किसानों ने बेरोजगारी के खिलाफ सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर महापंचायत बुलाई गई थी। पुलिस द्वारा किए गए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच विभिन्न राज्यों के सैकड़ों किसान जंतर-मंतर पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ किसानों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। यूपी और हरियाणा से लगती सीमाओं पर भी किसानों को रोका गया। गौरतलब है कि देश में बढ़ती बेरोजगारी को लेकर भारतीय किसान संघ (बीकेयू) सहित कुछ किसान संगठनों ने महापंचायत का आह्वान किया था बड़ी संख्या में किसान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पलटते हुए जंतर-मंतर पर पहुंचे थे। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए सिंघू, टिकरी और गाजीपुर सहित सभी सीमाओं पर अतिरिक्त बलों को तैनात किया गया था। गाजीपुर सीमा पर कुछ किसानों को हिरासत में लिया गया और बसों में ले जाया गया। वहीं रेलवे ट्रैक, बस स्टेशनों और मेट्रो स्टेशनों पर भी पुलिस बलों की भारी तैनाती देखी गई। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में ट्रैफिक भी जाम हो गया क्योंकि पुलिस ने दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की जांच की। प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में धारा 144 लगाई गई थी। किसान पंचायत की प्रमुख मांगें हैं 1) लखीमपुर खीरी नरसंहार के पीड़ित किसान परिवारों को इंसाफ, जेलों में बंद किसानों की रिहाई व नरसंहार के मुख्य दोषी केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी की गिरफ्तारी की जाए। 2) स्वामीनाथन आयोग के सी2+50% फॉर्मूले के अनुसार एमएसपी की गारंटी का कानून बनाया जाए । 3) देश के सभी किसानों को कर्ज मुक्त किया जाए । 4) बिजली बिल 2022 रद्द किया जाए । 5) गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाया जाए और गन्ने की बकाया राशि का भुगतान तुरन्त किया जाए । 6). सभी मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द किया जाए। 7) किसान आंदोलन के दौरान दर्ज किए गए सभी मुकदमे वापस लिए जाएं। 8) प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के बकाया मुआवज़े का भुगतान तुरन्त किया जाए। 9) अग्निपथ योजना वापस ली जाए।
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को जसवां प्रागपुर विस क्षेत्र के डाडासीबा में प्रगतिशील हिमाचल की स्थापना के 75 वर्ष समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य तथा केंद्र की डबल इंजन सरकार ने अपनी प्रतिबद्धता के बल पर विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और हिमाचल को देश के अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जब शव लेने के लिए गंगा में स्नान करके आए थे तब कुछ लोग नेताओं ने उनका मजाक उड़ाया था। मां गंगा के आशीर्वाद से उन्होंने यूक्रेन रूस युद्ध के दौरान ऑपरेशन गंगा के दौरान 27 हजार स्टूडेंट्स को तोपों के बारूद की बारिश के बीच घर वापस लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूरा देश आज भी नरेंद्र मोदी का अनुसरण करता है। कोरोना काल के दौरान उन्होंने डॉक्टरों, ड्राइवरों, पुलिसकर्मियों जैसे कोरोनावायरस का मनोबल बढ़ाने के लिए ताली बजाने को कहा तो लोगों ने ताली बजाई, थाली बजाने को कहा तो आप लोगों ने थाली बजाई। आजादी के 75 में अमृत महोत्सव पर लोगों को हर घर में तिरंगा फहराने की बात हुई तो आज पूरे देश में लोगों ने अपने घरों पर तिरंगा फहराया। देश नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री को चुनकर बहुत ही सूझबूझ का परिचय दिया। वहीं आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि ईमानदार की बड़ी-बड़ी बातें करने वाले अरविंद केजरीवाल की सरकार अब खुद घोटालों में घिरती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि आप पार्टी मनीष सिसोदिया पर सीबीआई व ईडी की कार्रवाई होने के बाद वह बुरी तरह बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि जब से पंजाब में आप की सरकार आई है पंजाब का पूरा ताना बाना बिगड़ गया है। वहीं इस अवसर पर मुख्यातिथि केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने विकासात्मक प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया तथा इस अवसर पर हिमाचल की स्थापना के 75 वर्ष के सफर पर लघु वृत चित्र तथा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किए गए ।
आप और भाजपा के बीच चल रही ज़ुबानी जंग ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। ये मामला सिर्फ सीबीआई ईडी की जांच तक सीमित नहीं रहा बल्कि सरकार बनाने गिराने तक पहुंच गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर दावा किया है कि भाजपा अन्य राज्यों की तरह दिल्ली में ऑपरेशन लोटस चलाना चाहती थी, मगर यहां ऑपरेशन लोटस फेल हो गया। केजरीवाल ने आगे कहा कि सीबीआई के छापे भ्रष्टाचार की जांच करवाने के लिए नहीं, बल्कि सरकार गिराने के लिए डलवाए गए थे। इससे पहले, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि मेरे पास भाजपा का संदेश आया है कि आप छोड़ दो, जब छोड़ो तो उस पार्टी को तोड़ भी दो। हमारी पार्टी में आ जाओ। सारे सीबीआई ईडी के केस बंद करवा देंगे। मुख्यमंत्री भी बना देंगे। वहीं गुजरात पहुंचे सिसोदिया ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री बनने के लिए सियासत में नहीं आया हूं। मैं यहां स्कूल में छात्रों को अच्छी शिक्षा मुहैया कराने के लिए आया हूं। मेरा भाजपा को जवाब है कि मैं महाराणा प्रताप का वंशज हूं, राजपूत हूं। सर कटा लूंगा, लेकिन भ्रष्टाचारियों-षड्यंत्रकारियों के सामने झुकूंगा नहीं। सिसोदिया के इस बयान के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा मनीष सिसोदिया को दिल्ली के डिप्टी सीएम पद से बर्खास्त करने की मांग कर रही है। सीबीआई जांच को लेकर आम आदमी पार्टी ने जाति कार्ड भी खेला। पार्टी ने सिसोदिया को महाराणा प्रताप का वंशज बताया। इस मामले में रविवार को सबसे पहले आप के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव और गुजरात के नेता इसुदान गढ़वी ने सोशल मीडिया पर टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि महाराणा प्रताप के वंशज मनीष सिसोदिया को भाजपा झूठे आरोप में परेशान कर रही है। इसके चलते गुजरात के राजपूत युवाओं में रोष है।
राजस्थान पुलिस ने साल 2016 में भारतीय नागरिकता पाने वाले 46 साल के हिंदु शरणार्थी को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में दिल्ली से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई यपुर की सीआईडी इंटेलीजेंस पुलिस ने की। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्त का नाम भागचंद है और उसका जन्म पाकिस्तान में हुआ था। वह साल 1998 में अपने परिवार के साथ राष्ट्रीय राजधानी में आया था और दिल्ली में संजय नगर का रह रहा था। उसे साल 2016 में भारतीय नागरिकता मिली थी और उसने राजधानी में ही टैक्सी ड्राइवर और मजदूर के रूप में काम करना शुरू किया था। फिलहाल जयपुर की सीआईडी इंटेलीजेंस पुलिस ने उसे पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ लोगों के लिए आफत बनकर खड़ी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक हो रही तेज बारिश के आगे इंसान बेबस नजर आ रहा है। हिमाचल प्रदेश में बाढ़, बारिश और भूस्खलन से भीषण तबाही हुई है और कई लोगों की जान चली गई है। भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन, बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई। उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में हाल बेहाल है और आज फिर बारिश की आशंका जताई गई है। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदला है। कई इलाकों में तेज बारिश हुई है, जिसके बाद तमाम नदियां उफान पर है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 4 जिले में भारी बारिश का रेड अलर्ट और 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
देश में कोरोना मामलों में दिन पर दिन गिरावट देखने को मिल रही है। इन गिरती संख्या से देश राहत की सांस ले रहा है। हालांकि, खतरा अब भी टला नहीं है। देश में पिछले 24 घंटे में 9 हजार 531 नए मामले दर्ज हुए हैं। वहीं, नए आंकड़े के बाद देश में कुल संक्रमित मामलों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 43 लाख 48 हजार 960 हो गई है। देश में मृतकों का कुल आंकड़ा भी बढ़कर 5 लाख 27 हजार 368 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस वक्त एक्टिव मामलों की संख्या 97 हजार 648 हो गई है। वहीं, कोरोना मामलों में रिकवरी के आंकड़ों को देखा जाए तो ये संख्या अब 4 करोड़ 37 लाख, 23 हजार 944 तक आ गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एचपीयू में कार्यक्रम के बाद समरहिल स्थित ठाकुर स्वीट शॉप पर पहुंचे। इस दौरान नड्डा को अपने पुराने दिन याद आ गए जब वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पढ़ते थे और इस चाय की दुकान पर चाय पीते थे। 86 साल के नाथू राम ठाकुर उस समय इस दुकान को चलाते थे। नड्डा ने उनसे व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके पैर छुए, उन्होंने नाथू राम के स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। नाथू राम ने जेपी नड्डा को याद किया जब वे 80 के दशक की शुरुआत में इस स्टॉल पर चाय का आनंद लेते थे और आमलेट खाते थे।अब नाथू राम के दो बेटे हैं और दुकान अब उनके रिश्तेदार मस्त राम ठाकुर चलाते हैं। जगत प्रकाश नड्डा ने जगमोहन नाम के एक दुकानदार से भी मुलाकात की। उन्होंने उन्हें जल्द ही होने वाले अपने छोटे बेटे की शादी के लिए भी आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि मैं यहीं पला-बढ़ा हूं और यह मेरे दूसरे घर जैसा लगता है। बड़ों का आशीर्वाद हमेशा मेरे लिए मनोबल बढ़ाने वाला होता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और त्रिलोक जम्वाल भी मौजूद थे।
किसान नेता राकेश टिकैत को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लेकर यूपी बार्डर पर छोड़ दिया है। उन्होंने अपने हिरासत में लिए जाने की जानकारी खुद ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा कि सरकार के इशारे पर काम कर रही दिल्ली पुलिस किसानों की आवाज को नहीं दबा सकती। यह गिरफ्तारी एक नई क्रांति लेकर आएगी। मेरा किसानों के लिए संघर्ष अंतिम सांस तक जारी रहेगा। हम ना रुकेंगे, हम ना थकेंगे और ना ही हम झुकेंगे। वह दिल्ली में एक प्रदर्शन में हिस्सा लेने आये थे।
सीबीआई ने दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। सिसोदिया के अलावा 13 अन्य लोगों के खिलाफ भी सर्कुलर जारी किया गया है। इनके देश छोड़ने पर रोक लगा दी गई है। लुकआउट सर्कुलर जारी होने के बाद मनीष सिसोदिया ने कहा कि सीबीआई की रेड में कुछ नहीं मिला है। एक पैसे की हेराफेरी नहीं मिली है। मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार के शिक्षा और हेल्थ मॉडल से बीजेपी डरती है। उन्होंने कहा, 'मैं कहीं नहीं जा रहा। गिरफ्तार करना है तो कर लो। बताइए कहां आऩा है? हमलोग जेल से डरने वाले नहीं है। जेल में डालना है तो डाल दो, लेकिन काम रोक पाओगे क्या? जनता जान गई है कि नेताओं से क्या काम लेने हैं। ' उन्होंने दावा किया एक्साइज पॉलिसी सिर्फ बहाना है। 14 घंटे की रेड में कुछ भी नहीं मिला है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिरमौर जिले के सराहां से विभिन्न जिलों के उपायुक्तों के साथ प्रदेश में भारी बारिश के कारण उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्हें तत्काल राहत और बचाव अभियान सुनिश्चित करने के साथ-साथ महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में बचाव दल और मशीनरी तैनात करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेब उत्पादक क्षेत्रों और अस्पतालों की ओर जाने वाली प्रमुख सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए फिसलन वाले स्थानों और नदी तटों से दूर रहने का परामर्श दिया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए अतिरिक्त केंद्रीय दल भेजने का अनुरोध किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्य में अब तक पिछले 24 घंटों के दौरान 20 मौतें हुई हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को प्रभावी बचाव कार्यों के लिए उचित समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उपायुक्तों को अपने-अपने जिलों में आवश्यकतानुसार स्कूल बंद करने के संबंध में निर्णय लेने के निर्देश भी दिए। उन्होंने भूस्खलन और बाढ़ के कारण हुई मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिवारों को अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्य सचिव आरडी धीमान ने आश्वस्त किया कि क्षतिग्रस्त सड़कों और सभी आवश्यक सेवाओं को बहाल करने के लिए समयबद्ध हर संभव व्यवस्था पूर्ण की जाएगी।
भारत में रविवार को कोविड-19 के 11,539 नए मामले आने से देश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,43,39,429 पर पहुंच गई, जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,01,166 से घटकर 99,879 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 34 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,27,332 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.23 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वालों की राष्ट्रीय दर 98.59 फीसदी है। आंकड़ों के मुताबिक, संक्रमण की दैनिक दर 3.75 फीसदी और साप्ताहिक दर 3.88 प्रतिशत दर्ज की गई है। देश में इस महामारी को मात देने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,37,12,218 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 फीसदी है। वहीं, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 209.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश के कारण जान-माल के भारी नुकसान पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत, बचाव और पुनर्वास कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में 5 लोगों की मौत और लगभग 15 लोगों के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ और राज्य की बचाव टीमों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए घटनास्थलों पर भेज दिया गया है। सभी घटनास्थलों पर राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं।भूस्खलन और बाढ़ से हुई मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है। जयराम ठाकुर ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों से भी विशेष ऐहतियात बरतने और भूस्खलन एवं बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
देश में कोरोना का खतर अब भी लगातार बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में 13 हजार 272 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 13 हजार 900 मरीज इस महामारी से ठीक हुए हैं। नए मामलों के दर्ज होने के बाद अब देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 1 लाख 01 हजार 166 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में इस वक्त पॉजिटिविटी रेट बढ़ गया है। ये 4.21 प्रतिशत तक आ पहुंचा है। बता दें, कल के मुकाबले कोरोना के नए मामलों में मामूली गिरावट देखने को मिली है। बीते दिन, ये आंकड़ा 15 हजार तक पहुंचा था जो आज 13 हजार तक सीमित रह गया। आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 664 की कमी दर्ज की गई है। संक्रमण की दैनिक दर 4.21 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक दर 3.87 प्रतिशत दर्ज की गई है। इस महामारी से उबरने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,36,99,435 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। वहीं, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 209.40 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
दिल्ली पुलिस की आईजीआई यूनिट ने एक बहुत बड़े अंतर्राष्ट्रीय जाली पासपोर्ट और वीजा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में मास्टरमाइंड जाकिर समेत 5 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इन लोगों के पास से 325 नकली पासपोर्ट बरामद हुए हैं। इसके अलावा चीन, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया के वीजा भी बरामद हुए हैं। इतना ही नहीं अन्य देशों सहित 175 नकली वीजा बरामद हुए हैं। ये रैकेट कितना बड़ा था इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 325 जाली पासपोर्ट, 175 से ज्यादा फर्जी वीजा बरामद हुए हैं जिसमें अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और चीन के वीजा भी शामिल हैं। इसके अलावा इन लोगों के पास से 1200 रबर स्टाम्प, 12 प्रिंटर, एक पॉलीमर स्टाम्प मशीन (फोटो की एक्सूरेसी बदलने वाली मशीन) और अल्ट्रा वायलेट लाइट मशीन बरामद हुई है।
विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के चलते रुपया आज शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 24 पैसे टूटकर 79.69 पर आ गया है। इंटरबैंक फॉरेन करेंसी एक्सचेंज मार्केट में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 79.60 पर खुला है। इसमें 15 पैसे की गिरावट के साथ शुरुआत हुई थी क्योंकि कल रुपया 79.45 पर बंद हुआ था। आज के कारोबार में आगे बढ़ने के साथ रुपया पिछले बंद भाव 79.45 के मुकाबले 24 पैसे की गिरावट दर्ज करते हुए 79.69 के भाव पर आ गया है और ऊपर में इसने 79.58 के लेवल दिखाए थे। रुपये में गिरावट के पीछे आज घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली और विदेशी फंड्स की निकासी को कारण माना जा रहा है। रुपया बुधवार को 29 पैसे की तेजी के साथ डॉलर के मुकाबले 79.45 पर बंद हुआ था। कल की तेजी का कारण घरेलू शेयरों में भारी लिवाली और विदेशी पूंजी निवेशकों का लगातार निवेश जारी रहना था जिसके चलते निवेशकों का सेंटीमेंट और मजबूत हुआ।
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कई भारतीय और पाकिस्तानी यूट्यूब न्यूज चैनलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेशी संबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था से संबंधित दुष्प्रचार फैलाने के लिए 8 यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक किया है। इन यूट्युब चैनल में 7 भारतीय और 1 पाकिस्तान स्थित YouTube चैनल शामिल है। इन्हें IT नियम, 2021 के तहत ब्लॉक किया गया है। ब्लॉक YouTube चैनलों को 114 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया और इन चैनल्स पर 85 लाख 73 हजार सब्सक्राइबर हैं। इन चैनल को ब्लॉक करने का कारण बताया गया कि ये भारत में दहशत पैदा करने, सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने और सांप्रदायिक विद्वेष भड़काने वाले कंटेंट परोस रहे थे। साथ ही इन चैनलों में चलाई जा रही खबरें असत्यापित थी।
हिमाचल लोक सेवा आयोग की चेयरमेन डॉ रचना गुप्ता व तीन सदस्यों की शपथ टल गई है। आज सुबह साढ़े आठ बजे शपथ ग्रहण समारोह रखा गया था। लेकिन फिलहाल शपथ को टाल दिया गया है। राज्यपाल व मुख्यमंत्री की व्यस्तता को शपथ टालने की वजह बताया जा रहा है। हलांकि चेयरमैन व तीन सदस्यों की नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी हो चुकी है। शपथ की नई तारीख अभी तय नही हुई है।
आबकारी कराधान विभाग ने खनन माफिया पर बड़ी कार्यवाही की है। हरोली उपमंडल की स्टोन क्रशर कम्पनी जिसके तीन यूनिट क्षेत्र में चलते है, इस क्रशर युनिट्स पर 3.46 करोड़ जुर्माना लगाया है। ये सारी हेराफेरी एम फार्म और जीएसटी को लेकर हुई है। बड़े भारी माल लेकर जाने वाले ट्रक करीब 60 मीट्रिक टन से ज्यादा खनिज भर कर ले जाते है जबकि स्टोन क्रशर के पास एमफार्म मात्र 15 मीट्रिक टन तक का है। 10 रुपये प्रति मीट्रिक टन स्टोन क्रशर को राजस्व सरकार को देना होता है। उसे क्षमता के हिसाब से खनिज पर 5 प्रतिशत जीएसटी भी लगता है लेकिन स्टोन क्रशर मालिक अपना टैक्स बचाने के चक्कर में एम फार्म में ही गड़बड़ी करके खनिज को कम दर्शाते हैं। इस पूरे मामले का भंडाफोड़ करने के लिए विभाग ने दो साल के आंकड़े जुटाए जिसमें स्टोन क्रशर के कागजात ,सड़को पर चल रहे टिप्परों के अंदर मेटीरियल और अन्य तरफ से जांच करके ये जुर्माना तय किया है। विभाग के अनुसार सरकार को मात्र 20 प्रतिशत ही राजस्व जमा करवाया जा रहा था। एक कत्था उद्योग पर 1.46 करोड़ का जुर्माना आबकारी विभाग ने एक अन्य मामला कत्था उद्योग का पकड़ा है, इस मामलें में ऊना की एक फर्म दिल्ली से कत्था पहले ऊना मंगवा रही थी फिर उसे वापिस बेच रही थी। विभाग ने जब इसकी जांच की तो पाया कि सारी फर्म ही नकली है और ऊना में मात्र इसका एक कार्यलय है जबकि उद्योग नहीं है। विभाग ने जांच करने पर पाया गया कि इनपुट टैक्स क्रेडिट बचाने के लिए फर्म ने ऐसा किया है। इस उद्योग का मालिक भी असली नहीं है ऑफिस के एक व्यक्ति के नाम से ही पूरी फर्म चल रही है। इस फर्म पर आबकारी कराधान विभाग ने 1. 43 करोड़ जुर्माना लगाया है । नियमों के तहत की कार्यवाही,पुलिस की मदद लेंगे: राकेश भारतीय विभाग ज्वाइंट कमिश्नर राकेश कुमार भारतीय ने बताया कि विभाग जुर्माना नियमों के तहत लगाया गया है, इसे वसूलने के लिए पुलिस विभाग की मदद लेने ली जाएगी। उन्होंने कहा कि फर्म कोर्ट में जाती है यह उनका अधिकार है ,क्या विषय रखते हैं, क्या निर्णय होता है, जब निर्णय आएगा तब उसे देखेंगे। उन्होंने कहा कि खनन माफिया और इस प्रकार की गलत बिलिंग पर कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी और बड़े स्तर पर कार्रवाई होगी ऐसे ही एक और फर्म है जिस पर विभाग कार्रवाई करने जा रहा है उन्होंने कहा कि जो भी फर्म हैं वह अपना टैक्स जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि अभी तक 1.16 करोड़ पर टैक्स जमा भी हो गया है।
बीजेपी में शामिल होने की चर्चाओं के बीच रेणुका के विधायक व कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार का स्पष्टीकरण सामने आया है। रेणुका के विधायक व कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि भाजपा झूठी खबरें फैला रही है। भाजपा द्वारा फैलाई जा रही झूठी ख़बरों पर ध्यान न दे। उन्होंने कहा," आप सभी को स्पष्ट करना चाहता हूँ कि मैं कांग्रेस पार्टी का सच्चा सिपाही हूँ और मरते दम तक कांग्रेस पार्टी में रहूँगा। मुझे गर्व है कि मैं उस रेणुका विधानसभा चुनाव क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता हूँ ,जिसका कभी हिमाचल के निर्माता व प्रथम मुख्यमंत्री स्व०डॉ यशवंत सिंह परमार जी भी करते रहे तथा मेरे स्व० पिता जी पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह जी ने 30 वर्षों में 6 बार रेणुका विधानसभा क्षेत्र की सेवा की है और वह आजीवन कांग्रेस पार्टी में रहे। उन्होंने हमेशा हमें यही सीख दी है कि हर अच्छी या बुरी स्थिति में अजीवन कांग्रेस पार्टी में रहना और मैं अपने पिता जी के द्वारा सिखाये गए आदर्श मूल्यों पर अडिग हूँ। मैं कांग्रेस पार्टी का समर्पित कार्यकर्ता हूं और आजीवन मरते दम तक कांग्रेस पार्टी के साथ रहूंगा। हम कांग्रेस पार्टी के लिए अपने प्राणों को न्योछावर करने के लिए भी तैयार है। कुछ लोग झूठी अफवाहें फैलाकर मुझे बदनाम करने के लिए ओच्छी हरकत कर रहे है मैं उनको सिरे से ख़ारिज करता हूँ।"
जम्मू-कश्मीर के जम्मू में 6 लोग एक घर में मौत हो गई है। मामला जम्मू के सिरदा इलाके का है जहां पर एक ही परिवार के 6 लोग घर में मृत पाए गए हैं। इस बात की जानकारी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दी है। ये खबर आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन लोगों की मौत कैसे हुई है। फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौके पर मृत पाए गए लोगों में दो पुरुष और 4 महिलाएं हैं। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम और पहचान के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सकीना बेगम, उसकी दो बेटियां नसीमा अख्तर और रूबीना बानो, बेटा जफर सलीम और दो रिश्तेदार नूर उल हबीब और सजाद अहमद के तौर पर हुई है. शवों को परिवारों के सिदरा स्थित घर से बरामद किया गया। उनको सरकारी मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया गया है।
देश में कोरोना वायरस के मामलों में बड़ी गिरावट आई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 9,062 नए मामले दर्ज किए गए हैं। मंत्रालय के अनुसार इस दौरान कोरोना से 15,220 लोग ठीक भी हुए हैं। फिलहाल इस तरह देश में कोरोना के एक्टिव केसेज घटकर 10,5058 रह गए हैं। बता दें कि काफी लंबे समय के बाद देश में संक्रमित हो रहे लोंगो की संख्या में गिरावट देखी गई है। इस महीने 16 अगस्त के अलावा, लगातार कोरोना के 10 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए जा रहे थे। कल यानी 16 अगस्त को पहली बार 10,000 से कम लोग इस संक्रमण का शिकार हुए। 16 अगस्त को कोरोना के 8,813 दर्ज किए गए थे। जोकि आज की तुलना में लगभग एक हजार कम है।
भारतीय शेयर बाजार में आज 3 दिनों के बाद कारोबार हो रहा है और शुरुआत में स्टॉक मार्केट अच्छी उछाल के साथ ट्रेड दिखा रहा है। बैंकिंग और मिडकैप शेयरों की तेजी के दम पर बाजार में हरियाली छाई हुई है। आज थोक महंगाई के आंकड़े भी आने वाले हैं पर बाजार को इसके लिए डर नहीं है और ऐसा ओपनिंग के समय से तो दिखाई दे ही रहा है। आज बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 212.34 अंक यानी 0.36 फीसदी ऊपर चढ़कर 59,675.12 पर खुला है। एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 99.05 अंक यानी 0.56 फीसदी चढ़कर 17797 पर खुला है। बाजार की शुरुआत में निफ्टी ने 17800 का स्तर छू लिया था और सेंसेक्स में 59700 का लेवल पार हो गया था। ओपनिंग मिनटों में सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयर तेजी के साथ और 5 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे है। इसके अलावा निफ्टी के 50 में से 43 शेयर उछाल पर हैं और 7 शेयरों में कमजोरी के साथ लाल निशान देखा जा रहा है। बैंक निफ्टी 321 पॉइंट चढ़कर 39363 के लेवल पर बना हुआ है।
सोने और चांदी के खरीदारों के लिए आज बढ़िया दिन है क्योंकि सोना और चांदी दोनों कीमती मेटल्स खूब सस्ते दामों पर मिल रहे हैं। आज सोने के दाम करीब 650 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ते हुए है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना आज करीब 650 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव से सस्ता हुआ है। एमसीएक्स पर सोने का अक्टूबर वायदा 636 रुपये या 1.21 फीसदी की गिरावट के साथ 51,949 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर मिल रहा है। सोना आज 1.2 फीसदी सस्ता होकर मिल रहा है और इसका फायदा आपको मिल सकता है। एमसीएक्स पर सोना तो सस्ता मिल ही रहा है, आज चांदी में करीब 1500 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट देखी जा रही है। चांदी में आज 2.3 फीसदी से ज्यादा सस्ते होकर कारोबार देखा जा रहा है। चांदी का सितंबर वायदा 1,406 रुपये या 2.37 फीसदी की गिरावट के बाद 57,870 रुपये प्रति किलोग्राम के रेट पर खरीदारी हो रही है।
पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आज चौथी पुण्यतिथि है। अटल समाधि स्थल पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी। दिल्ली स्थित पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल 'सदैव अटल' पर राष्ट्रपति द्रौपदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से लेकर मोदी सरकार के तमाम मंत्रियों ने पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी 'अटल सदैव' समाधि स्थल पहुंचे और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी का आज ही के दिन साल 2018 में निधन हो गया था। पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे थे। वह भारतीय जनता पार्टी के सह-सस्थापक भी थे। वह भारत के पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया था। हालांकि, एक बार वह मात्र 13 दिन और दूसरी बार 13 महीने के लिए पीएम बने थे. 27 मार्च 2015 को पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा गया था।
देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ लोगों के लिए आफत बनी हुई है। देश के 10 राज्यों में बारिश और बाढ़ का तांडव दिख रहा है। हालांकि दिल्ली में यमुना नदी में पानी का जलस्तर कुछ कम हुआ है और लोगों को फिर से उनके क्षेत्रों में भेजने का फैसला लिया गया है। ओडिशा और जम्मू कश्मीर में भारी तबाही है। पहाड़ों पर भारी बारिश हो रही है जिससे हिमाचल प्रदेश के मनाली में बरसाती नदियां उफान पर आ गई हैं। वहीं, मनाली में ब्रिज के साथ दो लोगों के बहने की खबर है। मध्य प्रदेश में छतरपुर से लेकर राजगढ़ तक बारिश ने तबाही मचाई है। रायसेन में पुल धंसने से लोगों की मुसीबत बढ़ गई है। हर तरफ पानी ही पानी है। कहीं पानी का तेज बहाव लोगों को डरा रहा है तो कहीं सैलाब लोगों के आशियाने डुबो रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमितों के 8,813 नए मामले दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 15,040 लोग ठीक हुए है। देश में अभी कोरोना के सक्रिय मामले 1,11,252 हैं और दैनिक पॉजिटिविटी दर 4.15% है। आज के आंकड़े का कल के केसेज से तुलना करें तो कल के मुकाबले आज केसों में कमी देखने को मिला है। 24 घंटे में देश में कोरोना के मामले 6 हजार की कमी आई है। कल यानी 15 अगस्त को 14,917 नए मामले सामने आए थे, 14 अगस्त को 14,092 नए मरीज सामने आए थे। वहीं 12 अगस्त 16,561, 11 अगस्त को 16,299 नए मामले दर्ज किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार 9 अगस्त को 12,751, आठ अगस्त को 16167, सात अगस्त 18,738 नए मामले, 6 अगस्त 19,406 नए मामले, 4 अगस्त को 19,893 नए मामले और 3 अगस्त को 17,135 नए मामले दर्ज किए गए थे।
टीम इंडिया जिम्बाब्वे दौरे पर है। यहां केएल राहुल की कप्तानी में भारतीय टीम वनडे सीरीज खेलेगी। सीरीज में भारतीय टीम ने कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है। दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज 18 अगस्त से खेली जाएगी। इस सीरीज के शुरू होने के पहले जिम्बाब्वे के बल्लेबाज इनोसेंट काइया ने भारतीय टीम को चेतावनी देते हुए भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि जिम्बाब्वे इस सीरीज को 2-1 से जीतेगी। जिम्बाब्वे के युवा बल्लेबाज इनोसेंट काइया ने भारतीय टीम को चेतावनी देते हुए कहा कि हम यह सीरीज 2-1 से जीतेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मेरी इच्छा है कि मैं इस सीरीज में शतक लगा सकूं और पूरे सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला खिलाड़ी बनूं. मेरा यही लक्ष्य है। वहीं उन्होंने जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग एर्विन और अन्य खिलाड़ियों की चोट पर कहा कि मैं नहीं मानता की इससे टीम को कोई परेशानी होगी. हमारी टीम में इस वक्त खिलाड़ी हैं। उनसब खिलाड़ी में बाहर हुए लोगों को रिप्लेस करने की क्षमता है। भारत ने जिम्बाब्वे में अब तक 23 वनडे मैच खेले है। इस दौरान टीम ने 19 मुकाबलों में जीत हासिल की है। जबकि सिर्फ 4 मैचों में हार का सामना किया है। टीम इंडिया लंबे अंतराल के बाद जिम्बाब्वे पहुंची है। भारत ने आखिरी वनडे सीरीज 2016 में खेली थी। इस दौरान भारत ने 3-0 से जीत दर्ज की थी। भारत ने पहला वनडे 9 और दूसरा वनडे 8 विकेट से जीता था. जबकि तीसरे मुकाबले में 10 विकेट से जीत दर्ज की थी।
आने वाले 15 अगस्त को हमारा देश आजादी के 75 साल पूरा कर लेगा। इस उपलक्ष्य में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। जिसके तहत समूचे भारत में हर घर तिरंगा संकल्प का अभियान भी जोरों-सोरों से चल रहा है। इस हर घर तिरंगा कैंपेन में हिंदी फिल्म सितारों के साथ-साथ साउथ इंडस्ट्री के कलाकार भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं और अपने सोशल मीडिया हैंडल की प्रोफाइल पिक में तिरंगा को लगा रहे हैं। गौरतलब है कि 2 अगस्त को देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा संकल्प के अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद से बॉलीवुड के कई कलाकार इस कैंपेन का हिस्सा बनने लगे। हाल ही में हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार सलमान खान ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल की प्रोफाइल पिक में राष्ट्रीय ध्वज लगाकार हर घर तिरंगा मुहिमा में हिस्सा लिया है। इतना ही नहीं सलमान ने अपने घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर भी तिरंगा फहराया है। दूसरी ओर साउथ सिनेमा के मेगा स्टार रजनीकांत ने भी हर घर तिरंगा अभियान में अपनी भागीदारी देते हुए ट्विटर की प्रोफाइल में तिरंगा को एड कर लिया है। इन दोनों सुपरस्टार के अलावा शेरशाह स्टार सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी अपनी डीपी में तिरंगा की फोटो लगाई है। इतना ही नहीं पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ये काम किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शेयर बाजार के दिग्गज राकेश झुनझुनवाला के निधन पर शोक जताया है। राकेश झुनझुनवाला का निधन आज मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हो गया। मल्टी ऑर्गन फेल होने के कारण उनकी मौत बताई जा रही है। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थे और कल शाम ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पीएम मोदी ने राकेश झुनझुनवाला के साथ वाली अपनी तस्वीर ट्वीट की है और लिखा, ''राकेश झुनझुनवाला कभी हार न मानने वाले थे, जीवन से भरपूर, मजाकिया और व्यावहारिक, वह वित्तीय दुनिया में एक अमिट योगदान छोड़ गए हैं। भारत की तरक्की के लिए वह बहुत जज्बाती थे। उनका जाना दुखद है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। शांति।'' बता दें कि राकेश झुनझुनवाला को शेयर बाजार के बिग बुल के तौर पर जाना जाता था। उन्होंने हाल में उड़ान क्षेत्र में हाथ आजमाया था। राकेश झुनझुनवाला ने आकासा एयरलाइंस शुरू की थी। झुनझुनवाला का मूल रूप से तेलंगाना के रहने वाले थे। यहीं उनका जन्म हुआ था। वह बड़े हुए थे अपने पिता के साथ मुबई में रहने लगे थे वह पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट रहे। तमाम दिग्गज उनके शेयर बाजार को लेकर ज्ञान और कौशल के कायल थे। वे उन्हें फॉलो करते थे। कहा जाता था कि झुनझुनवाला जिस शेयर पर पैसा लगा दें वो डूबता नहीं था और खूब मुनाफा कमाता था।
देश की राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का संकट मंडरा रहा है। ऐसे में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर सभी लोगों से नदी के किनारों की तरफ न जाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने कहा कि यमुना के आस-पास रहने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। सभी लोगों से सरकार और प्रशासन का सहयोग करने के लिए कहा गया है। अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा, 'हम स्तिथि पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।' इससे पहले दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने भी यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया ह। लोगों से अपील है कि वे नदी से दूर रहें। बता दें कि, दिल्ली में नौ बाढ़ संभावित इलाके हैं, जिसमें सीलमपुर की किसान बस्ती, सोनिया विहार में एमसीडी टोल, आईएसबीटी वाली किसान बस्ती, पुराना लोहे का पुल, अन्नपूर्णा मंदिर, बदरपुर खादर गांव, उस्मानपुर पुस्ता, सबपुर बस टर्मिनल और गढ़ी मांडू गांव इलाके शामिल हैं।
देश आजादी का अमृत महोत्सव मना है। 15 अगस्त दिल्ली के लाल किले की प्रचीर से पीएम मोदी तिरंगा फहरायेंगे। साथ ही देश को संबोधित करेंगे। दिल्ली पुलिस संभावित आतंकी मॉड्यूल और असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हुए, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजधानी में अभेद्य सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रही है। पुलिस ने बताया कि दिल्ली की सभी 8 सीमाओं के साथ-साथ शहर के व्यस्त बाजारों में सुरक्षा और सतर्कता कड़ी कर दी है। लाल किले के पास सुरक्षा के कई स्तरों को बढ़ा दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस कर्मियों ने ड्रोन हमलों से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ड्रोन रोधी प्रणाली तैनात की है। इस एंटी-ड्रोन सिस्टम रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स ने बनाया है। पुलिस ने कहा, पुलिस कर्मियों को आसमान में उड़ने वाली संदिग्ध वस्तुओं से निपटने के तरीके भी सिखाए गए हैं। दरअसल, 15 अगस्त को दिल्ली में सुरक्षा को लेकर पुलिस को कुछ खास अलर्ट मिले।
गुजरात में पशुओं को मौत की नींद सुलाने वाला 'लंपी' वायरस देश भर में पांव पसार रहा है। इस बीमारी से शिमला सहित प्रदेश भर में हड़कंप मच गया है। गुजरात मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में दहशत मचाने के बाद हिमाचल में भी संक्रमण तेजी से फैल रहा है। हिमाचल में 'लंपी संक्रमण के, 1000 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि 51 पशुओं की मौत हो चुकी है। इस वायरस के फैलने से पशुओं को 105 से 107 डिग्री सेल्सियस तेज बुखार हो सकता है। इसके अतिरक्ति पशुओं के शरीर में निशान बनते हैं और बाद में निशान घाव बन जाते हैं। उन पशुओं के मुंह से लार टपकनी शुरू होती है। इस वायरस का सबसे ज्यादा संक्रमण गायों में हो रहा है। वहीं पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बताया की हिमाचल में एक हज़ार मामले सामने आ चुके हैं। जबकि 51 पशुओं की मौत हो चुकी है। ये चिन्ता का विषय है। विभाग ने 'लंपी' वायरस से निबटने के लिए पर्याप्त वैक्सीन उपलब्ध है। सभी जिलों में विभाग के अधिकारियों को बिना टेंडर के ही वैक्सीन खरीदने के निर्देश दिए हैं ताकि पशुओं को संक्रमण से बचाया जा सके। उन्होंने बताया की प्रदेश के सभी जिलों में लंपी संक्रमण के मामले आ चुके है। इसलिए सरकार जल्द इसको महामारी घोषित करेगी।
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के मानसून सक्रिय है और मानसून सत्र का आगाज़ हो चूका है। विधान सभा के अंदर मानसून सत्र के दूसरे दिन गहमा गेहमी देखने को मिली। जहां एक ओर विपक्ष ने अविश्वास पत्र लाकर सरकार को घेरा तो वहीं सत्ता पक्ष ने जमकर पलटवार किया। वहीं मानसून सत्र के दूसरे दिन अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जाने वाली है यह जनता का विश्वास खो चुकी है। महंगाई बेरोजगारी से जनता परेशान हो गई है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा की बात करने वाली इस सरकार में 1574 रेप, 354 मर्डर और 119 महिलाओं के मर्डर हुए हैं। साथ ही उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस भर्ती का मामला सीबीआई को देने के बावजूद इसकी जाँच एसआईटी से कराई गई, यह पर्चा लीक नहीं नीलाम हुआ है। अग्निहोत्री ने कहा कि 6 से 8 लाख में यह पेपर बिका यह पैसा कहां गया , यह पैसा किसने इकट्ठा किया। पेपर बेचने वाले दो सौ के करीब लोग गिरफ्तार हुए लेकिन जो पैसा पेपर बेच कर इकट्ठा हुआ वह कहां है इसकी जाँच कौन करेगा। उन्होंने कहा कि इस सरकार में हर जगह पेपर लीक हुए है। उन्होंने कहा कि 65 हजार करोड़ के 69 नेशनल हाईवे के लिए यह सरकार जमीन अधिग्रहण तक नहीं कर पाई। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सरकार को इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं CM जयराम ने कहा कि जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया तुरंत जाँच के आदेश दिए गए। 204 आरोपी आज सलाखों के पीछे है। CM ने कहा कि 2016 में कांग्रेस (Congress) सरकार में पेपर लीक हुआ। कांग्रेस ने तब पेपर रद्द क्यों नहीं किया।
जिला मंडी के तहत करसोग सहित पहाड़ों में रात से हो रही भारी बारिश से सतलुज नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है। चाबा में जिला मंडी और जिला शिमला को जोड़ने वाले पुल पर लोगों का आना जाना बंद हो गया है। सतलुज नदी का पानी पुल को जोड़ने वाले रास्ते के ऊपर से बह रहा है। इस वजह से शिमला जिला के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जरूरी कार्य से जाने वाले लोग नदी के किनारे में फंस गए है। स्थिति ये की नदी का पानी एकदम से पुल के साथ बह रहा है। अगर बारिश का क्रम जारी रहा तो पुल के बहने का अंदेशा बना हुआ है। दो साल पहले भी सतलुज नदी में आई बाढ़ की वजह से पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद नदी को क्रॉस करने के लिए झूला लगाया गया था, लेकिन स्थानीय जनता के विरोध के बाद चाबा में पैदल चलने के लिए फिर से पुल लगाया गया था। वहीं आज रक्षाबंधन का पर्व है। ऐसे में जल स्तर बढ़ जाने की वजह से महिलाओं की दिक्कतें बढ़ गई है। यही नहीं छात्र और कर्मचारी भी नदी के किनारे फंस गए है। वहीं प्रशासन ने लगातार जारी बारिश को देखते हुए एडवाइजरी जारी कर दी है। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर का कहना है की लगातार बारिश से नदी में जल स्तर बढ़ गया है। ऐसे में लोग किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। उन्होंने लोगों सावधानी बरतने की अपील की है।
कुल्लू के आनी में गुरुवार सुबह भारी बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। भारी वर्षा के बीच आनी के गुगरा नामक स्थान के पास बादल फटने से व्यापक नुकसान हुआ है। यहां बादल फटने से आई भयंकर बाढ़ के कारण एक चिलिंग प्लांट सहित दो गाड़ियों व एक बुलेट मोटरसाइकिल के बहने की सूचना है। उधर, आनी कस्बे के बीच से बहती देहुरी खड्ड में भी भारी वर्षा के चलते भयंकर बाढ़ आई है, जिससे आनी बाजार के पुराने बस अड्डे पर 12 दुकानें बह गई। आनी बाजार में देहुरी खड्ड पर एनएच पर बने बड़े पुल के ढहने की भी आशंका बनी हुई है और इसके साथ बने दूसरे मकानों को खतरा पैदा हो गया है। आनी कस्बे पर मंडराए इस खतरे से कस्बेवासी व दुकानदार बेहद ख़ौफ़ज़दा है। एसडीएम आनी नरेश वर्मा, तहसीलदार दलीप शर्मा तथा पुलिस विभाग की टीम बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए नदी के साथ सटे दुकानदारों व भवन मालिकों से नदी से दूर रहने और समय रहते दुकानों व मकान खाली करने का आहवान किया है। पुलिस विभाग की टीम भी कस्बे में सायरन बजाकर व लाउडस्पीकर द्वारा लोगों को बाढ़ के संभावित खतरे से सचेत कर रही है। वहीं विधायक किशोरी लाल सागर ने वीरवार को आनी विधानसभा क्षेत्र में भारी बारिश और बादल फटने की घटना से हुई भारी तबाही और इस आपदा में हुई मौत, घरों को हुए नुकसान पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि डीसी कुल्लू, एसडीएम आनी को उचित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं। वहीं लोगों से इस बरसात में सावधानी और सुरक्षित रहने की अपील की है।
जिला कुल्लू में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है। सबसे अधिक नुकसान आनी उपमंडल में हुआ है। आनी में चवाई के खदेड गांव में घर में साे रही एक महिला और लड़की की दबकर मौत हो गई। दरअसल घर के पीछे से भूस्खलन होने के कारण मलबा मकान की दीवार तोड़कर अंदर पहुंच गया व दोनों महिला व बची उस मलबे में दब गईं। हादसे का पता लगते ही आसपास के लोग एकत्र हुए और मलबे में दबी महिला और लड़की को निकालने में जुट गए। महिला की पहचान 55 वर्षीय चबेलू देवी निवासी खदेड, 17 वर्षीय कृतिका निवासी ऊर्टू निरमंड के रूप में हुई। हादसे के बाद गांव में मातम छा गया है। दोनों शवों को मलबे से निकाल लिया है। ये दोनों नानी-दोहती थीं। महिला के पति की मौत हो चुकी है व उसका कोई बेटा नहीं था। इस कारण महिला के साथ उसकी दोहती रहती थी। गौरतलब है कि प्रदेश भर में लगातार हो रही बारिश से जिला में भारी नुकसान हुआ है। उधर प्रशासन की ओर से एसडीएम आनी नरेश वर्मा ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। प्रशासन की ओर से चिकित्सकों की टीम घटनास्थल पर भेज दी गई है। मौके पर ही पोस्टमार्टम किया जाएगा। एसडीएम ने लोगों से नदी नालों के समीप न जाने की अपील की है।
जिला मंडी के करसोग में आधी रात से हो रही लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ हैं। यहां मनशान में भारी भूस्खलन से करसोग-रामपुर सड़क अवरूद्ध हो गई है। इस कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लाइन लग गई। छोटे वाहनों समेत बसें भी बीच रास्ते में फंस गई है। जिससे बसों में सफर कर रहे महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि इस बारे में फील्ड अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है, लेकिन लोगों के फोन तक नहीं उठाए जा रहे हैं। जिस कारण बारी बारिश में बीच रास्ते में फंसने के कारण लोग सुबह से ही परेशान हैं। यही नहीं भारी बारिश की वजह से अधिक भूस्खलन का भी खतरा बना हुआ है। समाज सेवी नेक राम का कहना है कि मनशाना के समीप सड़क पर भारी मलबा और चट्टाने आ गई है। जिस वजह से करसोग-रामपुर सड़क सुबह से बंद है। यहां सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई है। उन्होंने विभाग से जल्द सड़क जल्द खोलने का आग्रह किया है। लोक निर्माण विभाग पांगना सब डिवीजन के सहायक अभियंता ललित जरयाल का कहना है कि सड़क को खोलने के लिए जेसीबी भेजी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही करसोग-रामपुर सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया जाएगा।
देश के कई हिस्सों में मानसून एक्टिव है और बारिश का मौसम बना हुआ है। वहीं, कुछ जगहों पर बारिश नहीं होने से गर्मी का अहसास होने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी के बाद बुधवार को आखिरकार झमाझम बारिश हुई। इससे गर्मी से काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 6 अगस्त तक दिल्ली में सामान्य रूप से बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को तेज धूप निकलने की वजह से गर्मी और उमस बढ़ने से लोग परेशान थे। बुधवार को भी उमस भरी गर्मी बढ़ी गई थी, लेकिन बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया और लोगों को काफी राहत मिली। दिल्ली-एनसीआर में 5-6 अगस्त को भी हल्की बारिश और 7 से 8 अगस्त को बारिश बारिश की संभावना जताई गई है। उधर, जुलाई महीने में अच्छी बारिश होने के बाद पंजाब, हरियाणा के किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। पंजाब के फिरोजपुर में 112 फीसदी, मुक्तसर में 88, मोहाली में 75 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्य में कमजोर दिखा है। मौसम विभाग ने 4 अगस्त तक प्रदेश के कई भागों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं, 5 अगस्त और 6 अगस्त के लिए मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय वाले हिस्सों में फिर से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति को छोड़कर ज्यादातर जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 7 और 8 अगस्त को भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रदेश के कांगड़ा के मुलथान के भुजलीग गांव में भारी बारिश से मलबा खेतों में पहुंच गया, जिसकी वजह से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा।
गुरुवार सुबह तेजी के साथ खुलने के बाद भारतीय बाजारों में फिर से बड़ी गिरावट देखी जा रही है। मुनाफावसूली लौटने के चलते बाजार हरे निशान से अब लाल निशान में ट्रेड कर रहा है। मुंबई स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक करीब 770 अंक नीचे गिरकर 57,577 अंकों तक जा लुढ़का। दिन के अपने उच्चतम स्तर से सेंसेक्स 1135 अँक नीचे जा लुढ़का। फिलहाल सेंसेक्स 500 अंकों की गिरावट के साथ 57,850 अंकों पर ट्रेड कर रहा है। निफ्टी में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। निफ्टी अपने हाई से 330 अंक नीचे जा लुढ़का। फिलहाल निफ्टी 136 अंकों की गिरावट के साथ 17,260 पर ट्रेड कर रहा है। यानि निचले लेवल से बाजार में थोड़ी रिकवरी आई है। बाजार में आईटी, फार्मा और ऑटो को छोड़ सभी सेक्टर्स लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं। बैंकिंग, ऑटो, एनर्जी जैसे सेक्टर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। मिडकैप और स्मॉल कैप भी लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक में आज कई बड़े फैसले लिए गए है। मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत विभिन्न श्रेणियों के 320 पदों को अनुबंध के आधार पर भरने का निर्णय लिया है। मंत्रिमण्डल ने राज्य के बागवानों को राहत प्रदान करने के लिए 1 अप्रैल, 2022 से एचपीएमसी या खुले बाजार से खरीदी गई पैकेजिंग सामग्री कार्टन और ट्रे पर छः प्रतिशत सब्सिडी की प्रतिपूर्ति के लिए कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए कार्टन व ट्रे का जीएसटी भुगतान बिल, बिक्री प्रमाण और आधार के साथ जुड़े बैंक एकाउंट का विवरण प्रदान करना होगा। बैठक में उचित मूल्य के दुकान धारकों को चीनी की बिक्री पर दिए जाने वाले कमीशन को मौजूदा सात रुपये 57 पैसे से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति क्विंटल और राज्य विशेष अनुदान योजना के सामान पर बिक्री दर के 3 प्रतिशत से 4 प्रतिशत करने का निर्णय लिया गया है। मंत्रिमण्डल ने बिलासपुर जिला की तहसील घुमारवीं के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हटवाड़ को 10 बिस्तर क्षमता के स्वास्थ्य संस्थान में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मलोखर को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ इस स्वास्थ्य संस्थान के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के तीन पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। बैठक में किन्नौर जिला की तहसील कल्पा के पांगी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने और इस संस्थान के लिए तीन पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमण्डल ने मंडी जिला की तहसील थुनाग के शिकावरी में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने के साथ-साथ तीन पदों को सृजित कर भरने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमण्डल ने बिलासपुर जिला में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भाखड़ा को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने के साथ चार पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने बिलासपुर जिला में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गेहड़वीं और कलोल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ इन स्वास्थ्य संस्थानों के प्रबन्धन के लिए छः पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। बैठक में किन्नौर जिला में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्पीलो को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। स्वास्थ्य से जुड़े निर्णय बैठक में कुल्लू जिला की आनी तहसील के थैरहवीं, कांगड़ा जिला के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत आम्बल ठेहड़ू और ग्राम पंचायत भाली के गांव भाली, पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के मतेहड़ गांव, सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणू, व जाडला, नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र के जामली व धुलेट में नया आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने के साथ-साथ तीन पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया। बैठक में सोलन जिला में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केन्द्र गढ़खल को 20 बिस्तर क्षमता के आयुर्वेदिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने के साथ-साथ इस नव स्तरोन्नत संस्थान के संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 11 पद सृजित कर उन्हें भरने का निर्णय लिया। बैठक में मंडयाल सभा सोलन को सामुदायिक हॉल के निर्माण के लिए सोलन तहसील के कोठों गांव में एक बीघा सरकारी भूमि 2,35,281 रुपये के वार्षिक पट्टे पर प्रति पांच वर्ष के बाद पांच प्रतिशत वृद्धि के साथ 30 वर्षों तक उपलब्ध करवाने को भी स्वीकृति प्रदान की है। मंत्रिमंडल ने विवेकानंद केन्द्र नाभा एस्टेट शिमला को हर्बल गार्डन और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 1,54,647 रुपये के वार्षिक पट्टे पर प्रति पांच वर्ष के बाद पांच प्रतिशत की वृद्धि के साथ 30 वर्षों के लिए अतिरिक्त भूमि आवंटित करने को भी स्वीकृति प्रदान की। शिक्षा विभाग से जुड़े निर्णय मंत्रिमंडल ने कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के शैक्षणिक खंड कुल्लू-प्रथम के अंतर्गत कियाणी में नया प्राथमिक विद्यालय खोलने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के रिड़कमार, सोलन जिला के नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के बरुणा तथा हमीरपुर जिला के नादौन विधानसभा क्षेत्र के गलोड़ में नए राजकीय महाविद्यालय खोलने और प्रत्येक महाविद्यालय के लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में ऊना जिला के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के गांव कुठेड़ा बेला और गांव कैंट में नए राजकीय प्राथमिक विद्यालय खोलने को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने चंबा जिला में नव-स्वीकृत राजकीय स्नातक महाविद्यालय बनीखेत में विभिन्न श्रेणियों के 12 पद भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में मंडी जिला के नेरचौक में स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल के परिसर में किए गए निर्माण को नियमित करने का भी निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिला के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जल शक्ति मंडल झंडूता के तहत तलाई में नया उपमंडल खोलने तथा इसके लिए विभिन्न श्रेणियों के 4 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घरोह में वाणिज्य कक्षाएं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बोह एवं राजोल में विज्ञान (नॉन-मेडिकल) की कक्षाएं आरम्भ करने तथा आवश्यक पदों को सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। बैठक में चम्बा जिले के राजकीय उच्च विद्यालय सरार, पुखरी, कदेड़, रान, भराड़ा और कांडला, मण्डी जिले के राजकीय उच्च विद्यालय, मंजखेतर, कांगड़ा जिले के राजकीय उच्च विद्यालय, गगवाल और हमीरपुर में राजकीय उच्च विद्यालय पनसाई को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में स्तरोन्नत करने और चम्बा जिले में राजकीय माध्यमिक विद्यालय झौरा, प्रियुंगल, करोरी, मंगली, अनियुंडा, सारंगेर, औला और बिहाली को राजकीय उच्च विद्यालय, कांगड़ा जिला के राजकीय माध्यमिक विद्यालय राजा खास, मण्डी जिला केे राजकीय माध्यमिक विद्यालय पंजोलठ को राजकीय उच्च विद्यालयों में स्तरोन्नत करने एवं इन संस्थानों में आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। बैठक में सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों चेवा, कांडा, गइघाट और कक्कड़हट्टी में वाणिज्य कक्षाएं और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों, प्राथा, भोजनगर और कोटबेजा में विज्ञान की कक्षाएं आरम्भ करने और इन शिक्षण संस्थानों को संचालित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों के 16 पद सृजित करने को स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने बागवानी विभाग में कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के चार पदों को भरने को स्वीकृति प्रदान की। जल शक्ति विभाग से जुड़े निर्णय मंत्रिमंडल ने जल शक्ति मंडल घुमारवीं के अंतर्गत बहेड़ में कनिष्ठ अभियंता अनुभाग और कपाहड़ा में एक अनुभाग खोलने तथा इनके लिए विभिन्न श्रेणियों के 8 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिला के जल शक्ति मंडल नगरोटा बगवां के अंतर्गत कंडी में नया अनुभाग खोलने तथा इसके लिए 4 पद सृजित कर इन्हें भरने को भी स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में जल शक्ति विभाग का नया मण्डल कार्यालय खोलने और इसके सुचारू संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 13 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने सोलन जिला के कनोला उपरला स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में फिटर, टेक्निकल मेकाट्रॉनिक्स, मेकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल और कम्प्यूटर ऑपरेटर एवं प्रोग्रामिंग असिस्टेंट के नये ट्रेड आरम्भ करने तथा विभिन्न श्रेणियों के 14 पद सृिजत कर भरने का निर्णय लिया। मंत्रिमंडल ने जिला सोलन के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय (महिला) कंडाघाट में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पाठ्यक्रम और कांगड़ा जिले के राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय तलवाड़ में फॉर्मेसी में डिप्लोमा पाठयक्रम शुरू करने और विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। शहीदों के नाम पर होंगे इन शिक्षण संस्थानों के नाम बैठक में शहीदों के सम्मान में सिरमौर जिले के राजकीय उच्च पाठशाला कोटरी ब्यास का नाम बदलकर शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय उच्च पाठशाला कोटरी ब्यास, राजकीय उच्च पाठशाला सुनोग का नाम शहीद रविंदर सिंह चौहान राजकीय उच्च पाठशाला सुनोग, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुर देवरा का नाम शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुर देवरा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बानौर का नाम शहीद राजेन्द्र सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बानौर रखने का निर्णय लिया गया।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि राज्य की विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं में खाली पदों के लिए उपचुनाव के दृष्टिगत 10 अगस्त को होने वाले मतदान के दिन संबंधित पंचायत निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। उन्होंने कहा कि इस बारे में जारी अधिसूचना के अनुसार अगर पंचायतीराज संस्थाओं में खाली पदों के लिए मतदान आवश्यक हुआ तो इस दिन उक्त संस्थाओं के निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रमों के कार्यालय, शिक्षण संस्थान और औद्योगिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। मतदान के दिन दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के लिए भी नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट-1881 की धारा-25 के तहत वैतनिक अवकाश रहेगा। इसके अलावा अपनी पंचायत से बाहर कार्यरत कर्मचारियों को भी मतदान के लिए अवकाश मिलेगा। इसके लिए उन्हें मतदान के प्रमाण के रूप में संबंधित पीठासीन अधिकारी का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक राज्य सचिवालय में शुरू हो गई है। मंत्रिमंडल की बैठक में सभी मंत्री मौजूद है। बैठक में कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते मास्क न पहनने वालों पर सख्ती से संबंधित निर्णय लिए जा सकते हैं। कैबिनेट की बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं सीएम जयराम ठाकुर अब तक लागू नहीं हो पाई बजट घोषणाओं पर भी अपनी मंजूरी देंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 28 जुलाई को राज्य सचिवालय के बाहर कहा था कि अगली कैबिनेट में एसएमसी शिक्षकों को कैजुअल और मेडिकल लीव देने का मामला ले जाएंगे। यह एजेंडा भी मंत्रिमंडल की बैठक में होगा। इसके अलावा विधानसभा के मानसून सत्र में पेश किए जाने वाले विधेयकों के ड्राफ्ट पर चर्चा की जा सकती है। इसके अलावा प्रदेश भर में विभिन्न स्वास्थ्य, शिक्षण और अन्य संस्थानों के स्तरोन्नयन के बारे में भी निर्णय हो सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के पटनौण के रहने वाले वेटलिफ्टर विकास ठाकुर ने बर्मिंघम में हो रही राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को रजत पदक दिलाया। उन्होंने पुरुषों के 96 किग्रा भारवर्ग में यह मेडल अपने नाम किया। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह भारत का 12वां मेडल है, जबकि वेटलिफ्टिंग में आठवां मेडल है। वहीं, अगर इस मैच की बात करें तो विकास ने स्नैच राउंड में 155 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 191 किग्रा भार उठाया। यानि, उन्होंने कुल 346 किग्रा भार उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया। भारतीय वेटलिफ्टर विकास ठाकुर से आगे समोआ के डॉन ओपेलोग रहे। समोआ के डॉन ओपेलोग ने स्नैच राउंड में 171 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 210 किग्रा भार उठाया. यानि, समोआ के वेटलिफ्टर ने कुल 381 किग्रा भार उठाया। दरअसल, यह कॉमनवेल्थ गेम्स का नया रिकार्ड है. वहीं, विकास की बात करें तो उन्होंने पहले प्रयास में 149 किग्रा भार उठाया। विकास ठाकुर ने पहले प्रयास के बाद 153 और फिर 155 किग्रा भार उठाया.। इस तरह स्नैच में विकास ठाकुर का बेस्ट परफॉरमेंस 155 किग्रा रहा। दरअसल, विकास ने क्लीन एंड जर्क राउंड के पहले प्रयास में 187 किग्रा भार उठाया, लेकिन प्रयास में उन्होंने अपने प्रदर्शन को बेहतर किया।दूसरे प्रयास में भारतीय वेटलिफ्टर ने 191 किग्रा भार उठा लिया।। वहीं, तीसरे प्रयास में विकास 190 किग्रा भार उठाना चाह रहे थे, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस तरह स्नैच और क्लीन एंड जर्क को मिलाकर उन्होंने 346 किग्रा भार उठा लिया। वहीं विकास की उपलब्धि के बाद पूरे प्रदेश में ख़ुशी की लहर है। विकास के घर पर बधाइयों का ताँता लगा हुआ है। विकास की उपलब्धि पर पुर मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने उन्हें बधाई दी है। बधाई संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में लगातार तीसरी बार विकास ने पदक जीता है। विकास पर सब को गर्व हैं। मैं इस युवा होनहार प्रदेश का नाम रोशन करने वाले इलाके के खिलाड़ी को बधाई और शुभकामनाएँ देता हूं और उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
आज ग्लोबल बाजारों से भारतीय शेयर बाजार को कोई सपोर्ट नहीं मिला और एशियाई बाजारों सहित घरेलू स्टॉक मार्केट भी नीचे है। एशियाई बाजारों में हैंगसेंग, निक्केई, ताइवान, स्ट्रेट्स टाइम्स और कोस्पी सभी टूटकर कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी डाओ फ्यूचर्स भी सुस्ती के साथ कारोबार कर रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत को देखें तो बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 66.48 अंक यानी 0.11 फीसदी की गिरावट के साथ 58,049 पर खुला है। इसके अलावा एनएसई का निफ्टी 29.90 अंक यानी 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 17,310.15 पर खुला है। इस तरह इसने 17300 का लेवल ओपनिंग में होल्ड किया है। बाजार खुलते ही निफ्टी 58 अंकों की गिरावट के साथ 17300 से नीचे फिसल गया और 17281 के लेवल पर कारोबार कर रहा है। इसके 50 में से 34 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं और 16 शेयरों में तेजी देखी जा रही है। इसके अलावा बैंक निफ्टी की बात करें तो 153 अंकों की गिरावट के साथ 37,749 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है।
आज डॉलर के मुकाबले रुपये में हल्की तेजी देखी जा रही है और ये एक महीने में पहली बार 79 रुपये प्रति डॉलर के स्तर से ऊपर आया है। आज रुपया 8 पैसे की तेजी के साथ 78.95 पर खुला है जबकि कल रुपया 79.03 पर बंद हुआ था। डॉलर के मुकाबले रुपये के 79 के स्तर से लौटने को अच्छा संकेत समझा जा सकता है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को 79.03 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो करीब चार हफ्ते का उच्चतम स्तर है। शुरुआती कारोबार में रुपया 78.87 रुपये तक ऊपर भी गया है और इस स्तर पर कारोबार कर रहा है। कल के कारोबार के दौरान एक समय रुपया 79.00 के उच्चस्तर और 79.22 के निचले स्तर पर भी रहा। लेकिन कारोबार के अंत में रुपया अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले 79.03 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
सोना और चांदी दोनों कीमती मेटल्स आज गिरावट के दायरे में कारोबार कर रही हैं। सोना आज मामूली कमजोरी के साथ दिखाई दे रहा है जबकि चांदी 500 रुपये नीचे कारोबार कर रही है। डॉलर की कीमत के सापेक्ष सोने-चांदी के वायदा कारोबार में आज तेजी दर्ज की जा रही है। आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 13 रुपये की गिरावट के साथ 51,250 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर कारोबार कर रहा है। ये दाम सोना अगस्त वायदा के लिए हैं। इसके अलावा चांदी के कारोबार की बात करें तो ये 500 रुपये की गिरावट के साथ दिखाई दे रहा है। चांदी 57,487 रुपये प्रति किलो के रेट पर कारोबार कर रही है और ये दाम सितंबर वायदा के लिए हैं। सोना और चांदी दोनों के ही दाम में आज गिरावट दर्ज की जा रही है और ये रुझान ग्लोबल डिमांड कम होने के चलते देखा जा रहा है।
बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के चार दिन बीत चुके हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने यहां अब तक 9 मेडल अपने नाम किए हैं। इनमें 3 गोल्ड, 3 सिल्वर और 3 रजत पदक हैं। अब तक हुए इवेंट्स में भारत को वेटलिफ्टिंग में सबसे ज्यादा 7 पदक हासिल हुए हैं वहीं बाकी दो पदक जूडो में हासिल हुए हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत को अपना पहला पदक वेटलिफ्टर संकेत महादेव सरगर ने दिलाया। कॉमनवेल्थ गेम्स के दूसरे दिन उन्होंने पुरुषों के 55kg भारवर्ग में स्नैच में 113kg और क्लीन एंड जर्क में 135kg यानी कुल 248kg वजन उठाकर सिल्वर अपने नाम किया। वह गोल्ड मेडलिस्ट वेटलिफ्टर मलेशिया के मोहम्मद अनिक से महज 1kg पीछे रहे। कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को दूसरा मेडल वेटलिफ्टर गुरुराजा पुजारी ने दिलाया। उन्होंने पुरुषों के 61kg भारवर्ग में 269kg वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। वहीं ओलंपिक मेडलिस्ट मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को पहला गोल्ड दिलाया। उन्होंने 49kg कैटगरी में कुल 201kg वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। मीराबाई ने स्नैच में 88kg और क्लीन एंड जर्क में 113kg वजन उठाया। महिलाओं के 55 किलोग्राम भारवर्ग कैटगरी में वेटलिफ्टर बिंदियारानी देवी ने भारत को सिल्वर दिलाया। उन्होंने स्नैच में 86kg और क्लीन एंड जर्क में 116kg वजन यानी कुल 202kg वजन उठाकर सिल्वर अपने नाम किया। वह महज 1kg से गोल्ड चूंक गईं। वहीं जेरेमी लालरिनुंगा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को दूसरा गोल्ड मेडल दिला दिया है। उन्होंने 67 किलोग्राम कैटगरी में 300kg वजन उठाकर स्वर्ण अपने नाम किया। वह सिल्वर मेडलिस्ट वाइपावा लोअने से 7kg ज्यादा वजन उठाकर चैंपियन बने। अचिंता शिउली ने पुरुषों के 73 किलोग्राम भार वर्ग में स्नैच राउंड में 143 किलो और क्लीन एंड जर्क राउंड में 170 किलो वजन उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 313 किलो वजन उठाकर भारत की झोली में तीसरा गोल्ड डाल दिया। सुशीला देवी लिकमाबाम ने जूडो के 48 किलोग्राम भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीता। फाइनल में सुशीला का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका की मिचेला व्हाइटबोई से था, जहां उन्हें अतिरिक्त समय में हार का सामना करना पड़ा। विजय कुमार यादव ने जूडो में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया। वह पुरुषों के 60 किलो वर्ग में क्वार्टर फाइनल में आस्ट्रेलिया के जोशुआ से हार गए थे. इसके बाद रेपचेज मुकाबलों में उन्हें मौका मिला और यहां उन्होंने कांस्य पदक जीत लिया। विजय ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में साइप्रस के प्रेटो को 10-0 से मात दी। वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने महिलाओं के 71kg भारवर्ग में कुल 212 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। हरजिंदर ने स्नैच में 93 और क्लीन एवं जर्क में 119 किग्रा का भार उठाया।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। हरजिंदर कौर ने कुल 212 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने यह पदक 71 किग्रा वर्ग में अपने नाम किया। वहीं, भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह 9वां पदक है। हालांकि, भारत की वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर को यह ब्रॉन्ज मेडल किस्मत की बदौलत मिला। दरअसल, क्लीन एंड जर्क में अपने अटैम्प्ट खत्म करने के बाद वह चौथे स्थान पर थीं, लेकिन नाइजीरिया की जॉय क्लीन एंड जर्क में अपने तीनों अटैम्प्ट में लिफ्ट नहीं कर पाईं। इस तरह हरजिंदर को कांस्य पदक मिल गया।
देश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों मॉनसून की बारिश का असर देखने को मिल रहा है। पहाड़ी इलाकों लेकर मैदानी क्षेत्रों तक हो रही बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। देश के कई राज्यों में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण सामान्य जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। वहीं दिल्ली जैसे शहरों में पिछले कुछ दिनों से बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में आज 2 जुलाई को हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आज पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की मानें तो मध्य भारत में अगले चार से पांच दिनों तक गरज के साथ छिटपुट बारिश जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज पूर्वी राजस्थान समेत पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके अलावा आज, जम्मू-कश्मीर, हिमाचर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्य बारिश हो सकती है। वहीं, गुजरात, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों, लद्दाख के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
देश में कोरोना संक्रमण के मामले में उतार चढ़ाव जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार दसह में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 13 हज़ार 734 नए मामले सामने आए हैं। हालांकि राहत की बात ये है कि आज के मामले कल की तुलना में कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में एक दिन में 13 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। जबकि, एक दिन पहले यानी 1 अगस्त को 16 हज़ार 464 मामले सामने आए थे वहीं 31 जुलाई को 19,673 नए केस दर्ज सामने आए थे। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या 1,39,792 हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक नए आंकड़े आने के बाद इस वायरस की चपेट में आकर जान गवांने वालों की कुल संख्या 5,26,430 हो गई है। यानी कुल मौतों का आंकड़ा 5,26,430 पर पहुंच गया है। वहीं कुल रिकवरी 4,33,83,787 पर हो गया है।


















































