प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश के ऊना रेलवे स्टेशन से चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन दिल्ली से ऊना के अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन के बीच 21 अक्तूबर से नियमित रूप से चलेगी। बुधवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन यह ट्रेन चलेगी। देश की सबसे तेज रफ्तार से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली-ऊना के बीच की दूरी करीब साढ़े पांच घंटे में तय करेगी। यह ट्रेन अंबाला, चंडीगढ़ और आनंदपुर साहिब स्टेशन पर ठहरेगी। बुधवार को छोड़ नई दिल्ली से यह ट्रेन अल सुबह 5:50 बजे रवाना होगी और 11:05 बजे अंब अंदौरा पहुंचेगी। वापसी दिशा में यह ट्रेन दोपहर 1 बजे अंब अंदौरा से रवाना होगी और नई दिल्ली स्टेशन पर शाम 6:25 बजे पहुंचेगी। इससे चंडीगढ़ से दिल्ली की राह भी आसान हो जाएगी। महज 2 घंटे 50 मिनट में वंदे भारत ट्रेन चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंचाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। ऊना में प्रधानमंत्री ऊना हिमाचल रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद एक सार्वजनिक समारोह में प्रधानमंत्री आईआईआईटी ऊना राष्ट्र को समर्पित करेंगे और ऊना में बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद, चंबा में एक सार्वजनिक समारोह में, प्रधानमंत्री दो पनबिजली परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-III का शुभारंभ करेंगे। फार्मास्यूटिकल्स क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाने के लिए प्रधानमंत्री ऊना जिले के हरोली में बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला रखेंगे। जिसे 1900 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया जाएगा। पार्क एपीआई आयात पर निर्भरता को कम करने में मदद करेगा। इसमें करीब 10,000 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है और यह 20,000 से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करेगा। यह क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। प्रधानमंत्री भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) ऊना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसकी आधारशिला 2017 में प्रधानमंत्री ने रखी थी। वर्तमान में इस संस्थान में 530 से अधिक छात्र अध्ययन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नई वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे। अंब अंदौरा से नई दिल्ली के लिए चलने वाली यह देश में शुरू की जाने वाली चौथी वंदे भारत ट्रेन होगी और पहले की तुलना में एक उन्नत संस्करण है, जो बहुत हल्का है और कम अवधि में उच्च गति तक पहुंचने में सक्षम है। यह महज 52 सेकेंड में 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। प्रधानमंत्री दो पनबिजली परियोजनाओं-48 मेगावाट की छंजू-III पनबिजली परियोजना और 30 मेगावाट की देवथल छंजू पनबिजली परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इन दोनों परियोजनाओं से सालाना 270 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन होगा और इन परियोजनाओं से हिमाचल प्रदेश को लगभग 110 करोड़ रुपये का वार्षिक राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री राज्य में लगभग 3,125 किलोमीटर सड़कों के उन्नयन के लिए हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई)-III का भी शुभारंभ करेंगे। राज्य के 15 सीमावर्ती और दूर-दराज के ब्लॉकों में 440 किलोमीटर सड़कों के उन्नयन के लिए केन्द्र सरकार ने 420 करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृत किए हैं।
सागर धनखड़ हत्याकांड के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने पहलवान और दो बार के ओलंपिक विजेता सुशील कुमार पर आरोप तय कर दिए हैं। सुशील कुमार के साथ-साथ 17 अन्य लोगों पर भी आरोप तय किए गए हैं। दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने सुशील कुमार समेत 18 लोगों पर हत्या, हत्या की कोशिश, दंगा फैलाना, गैरकानून तरीके से भीड़ इकट्ठा करना के साथ साथ अन्य धाराओं के तहत आपराधिक साजिश रचने के आरोप तय किए गए हैं। बता दें कि साल 2021 में 4-5 मई की रात को सुशील कुमार अपने कुछ साथियों के साथ दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम पंहुचा था और पहलवान सागर धनखड़ के साथ जबरदस्त मारपीट की थी । इस घटना में सागर को गंभीर चोटें आईं और बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही सुशील कुमार फरार हो गया और 17 दिन बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। फिलहाल सुशील कुमार और हत्याकांड से जुड़े आरोपी तिहाड़ जेल में बंद हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक आज पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके बेटे और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने उन्हें मुखाग्नि दी। नेता मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव सैफई के मेला ग्राउंड पर हुआ। मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार उनकी पहली पत्नी के स्मारक के ठीक बगल में हुआ। इससे पहले उनका शव अंतिम दर्शन के लिए सैफई के मेला ग्राउंड में रखा गया था। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, योग गुरु रामदेव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उनके अंतिम दर्शन किए। अंतिम दर्शन करने वालों में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी भी शामिल थे। बता दें कि मुलायम सिंह यादव का सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया था। वो 82 साल के थे। उनका पार्थिव शरीर सोमवार शाम सैफई लाया गया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सैफई पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी थी।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 अक्टूबर को प्रस्तावित चंबा दौरे से पहले ऊना भी जाएंगे। ऊना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बल्क ड्रग पार्क के शिलान्यास के साथ वंदे भारत ट्रेन का भी शुभारंभ करेंगे। उसके बाद मोदी चंबा जाएंगे। सुबह करीब 9:30 पीएम मोदी ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। जहां से वह दिल्ली के लिए वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद ऊना रेलवे स्टेशन पर ही पीएम मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बता दें कि बल्क ड्रग पार्क परियोजना की कुल अनुमानित लागत 1 हजार 923 करोड़ रुपये है, जिसमें भारत सरकार की अनुदान राशि 1 हजार 118 करोड़ रुपये है जबकि शेष 804.54 करोड़ रुपये की राशि राज्य सरकार की ओर से वहन किया जाना निर्धारित है। ऊना में कार्यक्रम के बाद पीएम पौने 12 बजे के करीब हेलीकाप्टर से चंबा के सुल्तानपुर हेलीपैड पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी चंबा के चौगान में 12:00 बजे पहुंचेंगे। 12:00 से लेकर 1:00 के बीच में चंबा के चौगान मैदान से बल्क ड्रग्स फार्मा पाक की आधारशिला रखेंगे और चंबा में जल विद्युत परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। गौरतलब हैं कि तीन सप्ताह में पीएम मोदी का हिमाचल में यह तीसरा दौरा है। पहले मंडी में प्रधानमंत्री का कार्यक्रम रखा गया, फिर बिलासपुर व् कुल्लू और अब प्रधानमंत्री चम्बा और ऊना आ रहे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विभिन्न परियोजनाओं की सौगात के साथ हिमाचल की जनता में चुनावी जोश भी भरेंगे।
तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का आज 34वां दिन है। ये यात्रा इन दिनों कर्नाटक में है। मंगलवार, 11 अक्टूबर 2022 को राहुल गांधी ने 34वें दिन की यात्रा कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले के हर्तिकोट गांव से शुरू की। राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा अब तक 867 किमी का सफर तय कर चुकी है। इस मौके पर कांग्रेस ने ट्वीट किया है। कांग्रेस ने ट्विट कर लिखा, 'थाम ध्वज चल रहा है देश का भविष्य। देश की उन्नति, प्रगति के संग सुनहरा भविष्य बनाना है हमारा लक्ष्य।' इसके साथ ही कांग्रेस ने एक फोटो भी शेयर की जिसमें राहुल गांधी एक बच्चे के साथ चल रहे हैं और इस बच्चे ने हाथ में कांग्रेस का झंडा अपने हाथों में उठाया हुआ है। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की थी जिसने 30 सितंबर को केरल से कर्नाटक में प्रवेश किया था। कर्नाटक में ये यात्रा 21 अक्टूबर तक जारी रहेगी. कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी 6 अक्टूबर को इस यात्रा में शामिल हुई थीं।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आज 3 बजे के बाद होगी। इस बैठक में बल्क ड्रग फार्मा पार्क पर प्रस्तुति दी जाएगी।इस बैठक में विभिन्न बजट घोषणाओं को लागू करने के बारे में भी फैसले होंगे। बैठक में प्रदेश में प्रस्तावित शिक्षा, स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों से संबंधित संस्थानों के स्तरोन्नयन पर भी मंथन होगा। ऊना के हरोली में बनाए जा इस पार्क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जा चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 13 अक्तूबर को प्रस्तावित रैली के संबंध में भी बैठक में चर्चा होगी। मोदी चंबा में दो हाइडल प्रोजेक्टों का शिलान्यास और एक का लोकार्पण करेंगे। बल्क ड्रग पार्क का भी वर्चुअल शिलान्यास कर सकते हैं।
देश के 50वें मुख्य न्यायाधीश जस्टिस धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ होंगे। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस उदय उमेश ललित ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में जस्टिस चंद्रचूड़ का नाम केंद्र सरकार को भेज दिया है। चंद्रचूड़ 9 नवंबर को चीफ जस्टिस बनेंगे। उनका कार्यकाल 10 नवंबर 2024 तक होगा। जस्टिस उदय उमेश ललित प्रधान न्यायाधीश के पद से आठ नवंबर को रिटायर होने वाले हैं। रिटायर होने से पहले CJI अपने उत्तराधिकारी के रूप में वरिष्ठतम न्यायाधीश का नाम लेते हैं। माना जा रहा है कि जस्टिस डीवाई चंद्रचूड देश के 50वें चीफ जस्टिस हो सकते हैं। इससे पहले कानून मंत्री किरन रिजिजू ने 7 अक्टूबर को CJI ललित को चिट्ठी लिखकर उनसे उनके उत्तराधिकारी का नाम बताने की अपील की थी। आज वह अपने उत्तराधिकारी के नाम का एलान कर देंगे। CJI यूयू ललित ने सोमवार को सभी जजों को पत्र लिखा इस बैठक के बारे में जानकारी दी थी।
देशभर में बीते कुछ दिनों से हो रही मुसीबत की बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। मौसम विभाग ने 11 अक्टूबर को भी कई राज्यों में बारिश होने का अनुमान लगाया है। यानी आज भी लोगों को बारिश से राहत नहीं मिलती दिख रही है। अक्टूबर के महीने में जम्मू-कश्मीर से लेकर तमिलनाडु तक लोग बारिश की वजह से परेशानियों का सामना कर रहे हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, अंडमान, निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में जबरदस्त बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक बारिश का ये दौर आज भी जारी रहेगा। यूपी में कई लोगों के मौत की खबर भी सामने आई है। किसानों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। वहीं हिमाचल प्रदेश में मौसम खराब हो गया है। प्रदेश के सभी इलाकों में बारिश हो रही है। लाहौल स्पीति के लोसर में ताजा बर्फबारी हुई है। कांगड़ा की धौलाधार की पहाड़ियां भी अक्टूबर माह में ही बर्फबारी से सफेद हो गई है। बर्फबारी से कोक्सर लोसर काजा राजमार्ग वाहनों की गतिविधि के लिए बन्द हो गया है। समूचे हिमाचल में हो रही बारिश व ऊँची चोटियों में बर्फबारी से समूचा प्रदेश शीत लहर की चपेट में आ गया है। फिलहाल मौसम विभाग ने आज सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक येल्लो अलर्ट जारी किया है।
देश के सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है और चांदी तो करीब 1500 रुपये फिसल गई है। सोने और चांदी के ये दाम अंतररारष्ट्रीय बाजार में गोल्ड-सिल्वर सस्ता होने की वजह से देखे जा रहे हैं। ग्लोबल मार्केट में सोने के मुकाबले चांदी ज्यादा तेजी से गिर रही है।वायदा बाजार में 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 570 रुपये या 1.10 फीसदी गिरकर 51,390 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर आ गया है। ये इसके मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर दिसंबर वायदा के दाम हैं और आज अगर आप सोने की खरीदारी करते हैं तो आपको प्रति 10 ग्राम पर 570 रुपये की बड़ी बचत होगी। चांदी की बात करें तो ये करीब 2.5 फीसदी टूटी है। आज चांदी का दिसंबर वायदा एमसीएक्स पर 1478 रुपये या 2.44 फीसदी की गिरावट के साथ 59,307 रुपये प्रति किलो के रेट पर मिल रहा है। चांदी में आज कारोबार 60,000 रुपये प्रति किलो के आसपास ही शुरू हुआ था पर इसमें गिरावट बढ़ती गई और अब ये 59500 रुपये के नीचे फिसल चुकी है।
देश में कोरोना वायरस के मामले उतार चढ़ाव का दौर जारी है। देशभर में बीते 24 घंटों में कुल कोविड के 2424 नए मामले आए है। अबतक कोरोना से कुल 4 करोड़ 46 लाख 14 हजार 437 लोग संक्रमित हो चुके हैं। जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 28,079 रह गयी।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते दिन तीन और कोरोना संक्रमितों ने जान गंवा दी। अबतक मृतकों की संख्या बढ़कर 5,28,814 हो गयी है। आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस के उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.06 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.75 प्रतिशत है। बीते 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 514 मामलों की कमी दर्ज की गयी।
भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश से मौसम सर्द हो गया है। लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत मिल गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। आईएमडी ने कई राज्यों में तेज बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है। इसे देखते हुए कई जगहों में स्कूल भी बंद रहेंगे। अगले पांच दिनों के दौरान तमिलनाडु और रायलसीमा में हल्की से तेज बारिश होने का अनुमान है। अगले 24 घंटों के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश होने का अनुमान लगाया गया है। राजस्थान में छिटपुट और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली, मध्य प्रदेश और असम में भारी बारिश होने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का 82 साल की उम्र में सोमवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। यूरिन संक्रमण के चलते वे काफी समय से मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। 1 अक्टूबर से गुरुग्राम अस्पताल के आईसीयू में उन्हें भर्ती कराया गया था। उनके निधन के बाद उत्तर प्रदेश में तीन दिन के राजकीय शोक का एलान किया गया है। मंगलवार को मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। नेताजी के निधन पर राजनीतिक जगत में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री से लेकर सीएम योगी और बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने शोक व्यक्त किया। इससे पहले, मुलायम सिंह यादव के हालात बेहद नाजुक होने की सूचना पर बेटे अखिलेश यादव, भाई शिवपाल यादव और बहू अपर्णा यादव दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे। बता दें तीन महीने पहले उनकी पत्नी साधना गुप्ता का भी निधन हो गया था। मुलायम सिंह यादव की निधन की पुष्टि करते हुए समाजवादी पार्टी ने ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्वीट में अखिलेश यादव के रिएक्शन को शेयर किया।
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में 2 आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया है। फिलहाल ऑपरेशन जारी है। इस बात की जानकारी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खास जानकारी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के इस जिले के तांगपावा इलाके में रविवार रात घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चला दीं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ में सोमवार सुबह दो आतंकवादी मारे गए। आतंकवादियों और उनके संगठन की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
हिमाचल प्रदेश में 52 से लेकर 73 बर्फानी तेंदुए के मिलने का अनुमान हैं। हिमाचल बर्फानी तेंदुए और इसके शिकार बनने वाले जानवरों का मूल्यांकन करने वाला पहला राज्य है। राज्य वन विभाग के वन्यप्राणी प्रभाग ने प्रकृति संरक्षण फाउंडेशन बंगलूरू के सहयोग से राज्य में बर्फानी तेंदुए की गिनती की है। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के स्नो लैपर्ड पॉपुलेशन असेसमेंट इन इंडिया के प्रोटोकोल के आधार पर बर्फानी तेंदुए की गिनती का आंकलन किया गया है। तीन साल तक बर्फानी तेंदुए की गिनती की गई। आजकल वन्यप्राणी सप्ताह मनाया जा रहा है। जिसमें वन्य प्राणियों के सरंक्षण व संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। राजीव कुमार, प्रधान मुख्य संरक्षक (पीसीसीएफ) वन्यजीव ने बताया कि जम्मू कश्मीर उत्तराखंड में बर्फानी तेंदुए पाए जाते हैं। बर्फानी तेंदुए का घनत्व 0.08 से 0.37 प्रति सौ वर्ग किलोमीटर है। स्पीति, पिन घाटी और ऊपरी किन्नौर के हिमालयी क्षेत्रों में बर्फानी तेंदुए और उसके शिकार जानवरों आइबैक्स और भरल का घनत्व सबसे अधिक पाया गया। उन्होंने बताया कि दस स्थलों भागा, हिम, चंद्र, भरमौर, कुल्लू, मियार, पिन, बसपा, ताबो और हंगलंग में हिम तेंदुओं का पता चला है। भागा अध्ययन से यह भी पता चला है कि बर्फानी तेंदुए की एक बड़ी संख्या संरक्षित क्षेत्रों के बाहर है। हिमाचल प्रदेश में 640 पक्षियों की प्रजातियाँ रेकॉर्ड की गई है। इनमें से 7 किस्म की दुर्लभ मुर्गा प्रजातियाँ भी मिली है। जिसमें जुजुराना भी शामिल है। हिमाचल के वनों में अभी भी वन्य प्राणियों की कई प्रजातियाँ हैं जिनके बारे में शोध करने की जरूरत है। स्नो लेपर्ड को लेकर “सिक्योर हिमालय प्रोजेक्ट” भी चलाया जा रहा है जिसमें लोगों को वन्य प्राणियों के बारे में लोगों को जागृत कर वनों में ना जाने व स्नो लेपर्ड जैसे दुर्लभ जानवरों का शिकार ना करने के प्रति जागरूक करवाया जा रहा है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। इसके चंद्रयान-2 ऑर्बिटर में लगे एक्स-रे स्पेक्ट्रोमीटर ‘क्लास’ ने पहली बार चंद्रमा की सतह पर प्रचुर मात्रा में सोडियम का पता लगाया है। इसरो ने बताया कि इससे चांद पर सोडियम की मात्रा का पता लगाने की संभावनाओं का रास्ता खुल गया है। ISRO ने बताया कि चंद्रयान-1 एक्स-रे फ्लूरोसेंस स्पेक्ट्रोमीटर (सी1एक्सएस) ने सोडियम का पता लगाया है जिससे चांद पर सोडियम की मात्रा का पता लगाने की संभावनाओं का रास्ता खुल गया है। राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी ने शुक्रवार (7 अक्टूबर) को एक बयान में कहा कि ‘द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल लेटर्स’ में हाल में प्रकाशित एक अनुसंधान रिपोर्ट के अनुसार चंद्रयान-2 ने पहली बार क्लास (चंद्रयान-2 लार्ज एरिया सॉफ्ट एक्स-रे स्पेट्रोमीटर) का इस्तेमाल कर चंद्रमा पर प्रचुर मात्रा में सोडियम की मौजूदगी का पता लगाया है। इसरो के बयान में कहा गया, ‘‘बेंगलुरु में इसरो के यू आर राव उपग्रह केंद्र में निर्मित ‘क्लास’ अपनी उच्च संवेदी क्षमता और दक्षता के कारण सोडियम लाइन के स्पष्ट सबूत उपलब्ध कराता है।’’
सोशल मीडिया का क्रेज बड़ों में ही नहीं बल्कि बच्चों में भी काफी ज्यादा है। यही वजह है कि 13 साल का एक बच्चा पटियाला से साइकिल चलाते हुए 300 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंच गया। बच्चे के दिल्ली पहुंचने की वजह सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। ये बच्चा एक यूट्यूबर से मुलाकात करने के लिए दिल्ली पहुंच गया। इस बच्चे ने यह सफर 3 दिनों में तय किया। हालांकि, बच्चे को दिल्ली में वह यूट्यूबर नहीं मिला, क्योंकि वह दुबई गया हुआ था। उधर, दूसरी ओर बच्चे के परिवार, पटियाला पुलिस और दिल्ली पुलिस ने बच्चे को तलाशने में पूरी ताकत लगा दी और आखिरकार बच्चा मिल ही गया। बच्चे को दिल्ली से पीतमपुरा इलाके से बरामद किया गया। दिल्ली के नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया की 4 अक्टूबर को पंजाब के पटियाला से एक 13 साल का छात्र अपने स्कूल जाने के बजाय पॉपुलर यूट्यूबर निषाय मल्हान से मिलने के लिए करीब 300 किलोमीटर की दूरी तय करके साइकिल पर दिल्ली आ गया, क्योंकि वो उसके वीडियो से बहुत इंस्पायर था। डीसीपी ने बताया कि परिवार को जब बच्चा नहीं मिला तब परिवार ने पंजाब के अनाज मंडी थाने में शिकायत दी।
देश में लोग लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। अब दिवाली से ठीक पहले लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। क्योंकि दिवाली से ऐन पहले ही महंगाई की डबल स्ट्राइक हुई है। सीएनजी और पीएनजी के दामों में बढ़ोतरी हुई है, जिससे और भी कई चीजों पर असर पड़ना शुरू हो गया है। दरअसल, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने दिल्ली एनसीआर में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस की कीमत में 3 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। अब सीएनजी और पीएनजी के दाम बढ़ने के बाद सफर, कारोबार और रसोई में भी इसका असर दिखने लगा है। पहले जहां पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल करने वाले परेशान थे तो अब सीएनजी वालों ने भी सिर पकड़ लिया है। दिल्ली-एनसीआर समेत यूपी और हरियाणा में आज से सीएनजी 3 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है। दिल्ली में कल तक सीएनजी 75.61 रुपये प्रति किलो में मिल रही थी, लेकिन आज से कीमत बढ़कर 78.61 रुपये प्रति किलो हो गई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी के दाम 78.17 रुपये से बढ़कर 81.17 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
सीबीआई ने आज जमीन के बदले रेलवे में नौकरी के नाम पर दर्ज मामले में 24 जगहों पर छापेमारी की। ये छापेमारी बिहार, गुरुग्राम और दिल्ली में की गई। आरोप है कि जिस समय लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे उस समय उनके कार्यालय में रेलवे में नियमों को ताक पर रखकर भर्तियां की गई और नौकरी के बदले जमीन ली गई। सीबीआई ने पहले प्रारंभिक जांच की और उसके बाद FIR दर्ज कर ली। सीबीआई ने 23 सितंबर 2021 को प्रारंभिक जांच शुरू की थी। सीबीआई की जांच में सामने आया कि रेलवे की भर्ती प्रक्रिया में घोटाला हुआ है। इसके बाद CBI ने 18 मई 2022 को ये FIR दर्ज कर ली। इसमें लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव समेत अन्य लोगों के नाम हैं। आरोप है कि जब लालू यादव रेल मंत्री थे तो जॉब लगवाने के बदले जमीन और प्लॉट लिए गए थे। इस मामले में सीबीआई ने लालू यादव के करीबी भोला यादव को गिरफ्तार किया था। साल 2004 से 2009 में जब लालू यादव रेल मंत्री थे तब भोला यादव उनके ओएसडी थे। भोला यादव को जमीन के बदले नौकरी वाले केस में गिरफ्तार किया गया था।
कट्टर ईमानदार होने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार के लिए नई सियासी मुसीबत खड़ी हो गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खासमखास पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन अध्यक्ष गुलजार इंद्र सिंह चहल के खिलाफ राज्यसभा सांसद और टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने मोर्चा खोल दिया है। आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन में बड़े स्तर पर चल रही फर्जी मेंबरशिप और गैर कानूनी गतिविधियों की शिकायत ना सिर्फ सीएम भगवंत मान और पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से की है, बल्कि पीसीए स्टेक होल्डर के नाम खुली चिट्ठी लिखकर 150 लोगों को गैर कानूनी ढंग से सदस्यता देने का पर्दाफाश भी किया है। खास बात यह कि हरभजन सिंह पीसीए के चीफ एडवाइजर हैं और पीसीए प्रेसिडेंट गुलजार इंद्र चहल उनके करीबी दोस्त रहे हैं। पंजाब में सरकार बनने के बाद ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक राजेंद्र गुप्ता को पीसीए प्रेसिडेंट पद से हटाकर चहल और हरभजन की टीम को कमान सौंपी गई थी। हरभजन और चहल की दोस्ती का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि राज्यसभा का नामांकन पत्र भरने के लिए भज्जी अपने पारिवारिक सदस्य की बजाय गुलजार सिंह चहल के साथ विधानसभा आए थे। इतना ही नहीं, राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद हरभजन सिंह का सदस्यता प्रमाण पत्र लेने गुलजार सिंह चहल ही स्पीकर के ऑफिस पहुंचे थे।
हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में वीरवार को कैबिनेट बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में वन मंत्री राकेश पठानिया व सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी के आलावा सभी कैबिनेट मंत्री मौजूद थे। मंत्रिमंडल ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान के लिए शीर्ष संस्थान के रूप में कार्य करने, स्पेशियलिटी एवं सुपर स्पेशियलिटी स्तर की चिकित्सा सेवाओं में नोडल संस्थान के रूप में कार्य करने और चिकित्सकों, नर्सों तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करने तथा अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन आयोजित करने और चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए सुविधाएं प्रदान करने के लिए राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच समझौता ज्ञापन के प्रारूप को मंजूरी प्रदान की। कैबिनेट ने पीटीए नीति बंद होने के पश्चात 3 जनवरी, 2018 के बाद ग्रांट इन एड आधार पर रखे गए या दोबारा रखे गए तथा 2006 आरएंडपी नियमों के अनुसार योग्यता पूर्ण करने वाले 40 पीटीए अध्यापकों की सेवाओं को संभावित तिथि से बहाल करने का निर्णय लिया। बैठक में कांगड़ा जिला के राजकीय उच्च पाठशाला खोली, ठाकुरद्वारा और बांदल और कुल्लू जिला के राउपा चौंग और शाट को रावमापा और कुल्लू जिला की रामापा तांदी, पाशी, टिंडर और माशना, कांगड़ा की रामापा धमेड़ तथा मंडी की रामापा देवीदड़ को राउपा में, मंडी की राप्रापा ओखली, टिक्की और भरेचीनाल को रामापा में स्तरोन्नत करने तथा आवश्यक पदों को सृजित कर भरने का निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा की रावमा पाठशाला बीरता और बौहड़ क्वालू में विज्ञान और वाणिज्य की कक्षाएं शुरू करने, कुल्लू की रावमापा शियाह में वाणिज्य एवं गणित की कक्षाएं आरंभ करने, मंडी के रावमापा भाटकीधार में विज्ञान की कक्षाएं आरंभ करने, कुल्लू की राप्रापा घोड़ीगाड़ को रामापा और रामापा नलहाच को राउपा में स्तरोन्नत करने, मंडी के शिक्षा खंड बगस्याड़ के अन्तर्गत राप्रापा बस्सी को राजकीय केन्द्रीय प्राथमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, राप्रापा मंगन को पुनः शुरू करने, मंडी की राप्रापा शिल्लीबागी एवं दारन को रामापा में स्तरोन्नत करने को मंजूरी दी। कैबिनेट ने शिमला के निकट ढली में बस अड्डे के प्रस्तावित भवन की छत की ढलान में 3.25 मीटर तक की छूट प्रदान करने, सिरमौर में छात्रों की सुविधा के लिए राजकीय स्नातक महाविद्यालय नारग को पुनः आरंभ करने, शिमला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के देहा में नई ITI खोलने व इसके संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 26 पदों को सृजित करने, मंडी के पांगणा में राजकीय स्नातक महाविद्यालय खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के आवश्यक पदों को सृजित कर भरने व इस महाविद्यालय की अधोसंरचना विकसित करने के लिए 5 करोड़ रुपए के प्रावधान को स्वीकृति प्रदान की। कैबिनेट ने क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए कुल्लू के कोटासेरी में नया पशु औषधालय खोलने, शिमला के कसुम्पटी में स्थित पशु औषधालय डूमी को पशु चिकित्सा अस्पताल में स्तरोन्नत करने, मंडी जिले के बालीचौकी में नया पुलिस थाना खोलने व इसके संचालन के लिए विभिन्न श्रेणियों के 34 पदों के सृजन, कांगड़ा जिला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लप्याना में चिकित्सा अधिकारी का एक अतिरिक्त पद सृजित करने का निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने चंबा के बाथरी में नया विकास खंड कार्यालय खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के 7 पदों को सृजित कर भरने, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद के मानदंडों के अनुसार राज्य में स्नातक स्तर के तकनीकी संस्थानों में कार्यरत मौजूदा नियमित शिक्षण संकाय (टीचिंग फैकल्टी) और पुस्तकालयाध्यक्षों के लिए वेतन संरचना में संशोधन को मंजूरी प्रदान की। यह संशोधित वेतनमान संभावित तिथि से दिया जाएगा तथा दिनांक एक जनवरी 2016 से आज तक के बकाया का भुगतान राज्य सरकार के आदेशानुसार किया जाएगा। कैबिनेट ने वन विभाग में अधीक्षक ग्रेड-1 के 3 पदों को सृजित करने और अधीक्षक ग्रेड-2 के 7 पदों को अधीक्षक ग्रेड-1 में स्तरोन्नत करने, मंडी की करसोग तहसील के अन्तर्गत मथाल, सनारली, मनोला, कंडी-3, भनेरा, नवीधार तथा कुठेड़ में सात नए पटवार वृत्त बनाने, मंडी के कोटला-खुनला, खारसी और झरड़ में 3 नए पटवार वृत्त बनाने, कुल्लू के नग्गर में नई तहसील खोलने तथा विभिन्न श्रेणियों के 15 पदों के सृजन, कुल्लू की उप-तहसील निथर के अंतर्गत गाठू में नया पटवार वृत बनाने, कुल्लू तहसील के अंतर्गत नया पटवार वृत कराड़सू बनाने को मंजूरी प्रदान की गई। कैबिनेट ने मंडी की करसोग तहसील के अंतर्गत अशला में नई उप-तहसील खोलने और विभिन्न श्रेणियों के 12 पद सृजित करने, मंडी की चच्योट तहसील में कानूनगो वृत मजोठी बनाने के साथ आवश्यक पदों को सृजित कर भरने, गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में कंपनी कमांडर के चार पदों को अनुबंध आधार पर सीधी भर्ती के माध्यम से भरने, विवेकानंद मेडिकल रिसर्च ट्रस्ट पालमपुर को बीएससी नर्सिंग की 40 सीटों के लिए एनओसी प्रदान करने का भी निर्णय लिया। कैबिनेट ने शिमला की राजकीय उच्च पाठशाला खगना, जोर्ना और अन्नाडेल को राजकीय माध्यमिक पाठशाला तथा मंडी की उच्च पाठशाला गहंग, पपलोटू, गरलोग, रियागड़ी, सियून, बबली और छन्यारा को राजकीय माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने, शिमला की राजकीय माध्यमिक पाठशाला अंतरवली को राउपा और मंडी की रामापा सरही, भनेरा, खील, पंजैन, फुटाखल, दुगराई, देवीदड़, ढाबन, पुराना बाजार करसोग, मेहरान, खरकन, अनाह और सुमनीधार को उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने तथा विभिन्न श्रेणियों के 164 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। वहीं कैबिनेट में मंडी की रावमापा मलोह का नाम बदलकर शहीद दीनानाथ रावमापा मलोह करने, कुल्लू के मनाली विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति मंडल कटराईं के अन्तर्गत नग्गर में नया जल शक्ति उप-मंडल खोलने, सिरमौर के राउपा डिब्बर को रावमापा और रामापा कुफर और धनेश्वर को राउपा में स्तरोन्नत करने और विभिन्न श्रेणियों के 26 पदों के सृजन का निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने प्रदेश की 29 नगर परिषदों में लेखाकारों के 29 पदों के सृजन, 9 नगर परिषदों रामपुर, रोहड़ू, बिलासपुर, बद्दी, हमीरपुर, नाहन, सुंदरनगर, कांगड़ा और नूरपुर में सहायक अभियंताओं के 9 पदों को सृजित ने, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (CHC) नालागढ़ को 200 बिस्तरों वाले स्वास्थ्य संस्थान में स्तरोन्नत करने, कसौली योजना क्षेत्र का पुनर्गठन कर कसौली योजना क्षेत्र से कुछ क्षेत्रों को बाहर करने और इन क्षेत्रों का नियोजित विकास सुनिश्चित करने के लिए विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण, जाबली में शामिल करने को भी मंजूरी प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के तडन में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, पीएम आयुष्मान भारत इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत डॉ.राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय मंडी, डॉ.राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय हमीरपुर, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमियाना, शिमला, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन, जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा और नागरिक अस्पताल मनाली में 50-50 बिस्तरों वाले 8 क्रिटिकल केयर ब्लॉक और जोनल अस्पताल धर्मशाला, जोनल अस्पताल मंडी और दीन दयाल उपाध्याय क्षेत्रीय अस्पताल शिमला में तीन जिला एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशालाएं खोलने का निर्णय लिया।
खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि भारत इस शुगर सीजन दुनिया के अन्य देशों की तुलना में सबसे ज्यादा चीनी उत्पादन और इस्तेमाल करने वाले देश के रूप में उभर कर सामने आया है। दरअसल पिछले महीने सितंबर मे खत्म हुए शुगर सीजन (अक्टूबर-सितंबर) 2021-22 में भारत ने ब्राज़ील को पीछे छोड़ दिया और दुनिया का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक देश बन गया। वहीं मंत्रालय के मुताबिक भारत इस साल के शुगर सीजन में दुनिया का दूसरा बड़ा चीनी निर्यातक भी बना है। ब्राज़ील के बाद भारत चीनी का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक है। दरअसल इस सीजन में भारत में 5,000 लाख मीट्रिक टन (LMT) से ज्यादा गन्ने का उत्पादन हुआ, जिसमें से 3574 लाख मीट्रिक टन गन्ने की चीनी मील में पेराई की गई और 395 लाख मीट्रिक टन चीनी (सुक्रोज) बनाया गया। वहीं दूसरी तरफ उसी सीजन के दौरान 109.8 लाख मीट्रिक टन चीनी का निर्यात किया गया जो कि एक रिकॉर्ड स्तर है।
सर्राफा बाजार में इस समय चमक बढ़ती देखी जा रही है। पीली धातु सोना और चमकीली धातु चांदी दोनों ही आज उछाल के साथ कारोबार करते दिखाई दे रहे हैं। सोना उछलकर 52,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पास आ गया है और इसमें आज आधे फीसदी की मजबूती के साथ कारोबार हो रहा है। चांदी में 750 रुपये से ज्यादा का उछाल देखा जा रहा है। सोना आज की उछाल के साथ एक महीने के उच्च स्तर पर आ गया है। आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 263 रुपये या 0.51 फीसदी की उछाल के साथ 51,909 रुपये प्रति 10 ग्राम के शेयर पर कारोबार कर रहा है। सोने का ये दाम दिसंबर वायदा के लिए है और इस फेस्टिव सीजन में गोल्ड प्राइस ऊपर चढ़ने का संकेत दे रहा है। इसके अलावा चांदी की कीमतों में 764 रुपये का उछाल है और ये 1.26 फीसदी चढ़कर 61,531 रुपये प्रति किलो के रेट पर कारोबार कर रही है। चांदी के ये दाम भी दिसंबर वायदा के लिए हैं।
कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' केरल के बाद कर्नाटक में चल रही है। कर्नाटक के मंड्या जिले में गुरुवार को भारत जोड़ो यात्रा में सोनिया गांधी भी शामिल हो गईं। राहुल गांधी इस यात्रा का शुरुआत से नेतृत्व कर रहे हैं और वे हर मौके पर बीजेपी को निशाने पर ले रहे हैं। आज उन्होंने कहा, "कर्नाटक में हिन्दुस्तान की सबसे भ्रष्ट सरकार है। ये हर चीज़ में 40% कमीशन लेती है, किसानों से मजदूरों से 40% कमीशन लेने वाली सरकार है।" उन्होंने आगे कहा, "कांट्रेक्टर ने चिट्ठी लिखी कि भ्रष्टाचार चल रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री ने कोई एक्शन नहीं लिया। इस यात्रा का लक्ष्य है पुरे हिन्दुस्तान में चल रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना। यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक जाएगी और इस यात्रा में मेरे साछ चलने वाले हर शख्स का मैं स्वागत करता हूं और धन्यवाद करता हूं।"
भारत में अभी भी कोरोना का कहर खत्म नहीं हुआ है। लोग अभी भी इससे लड़ रहे हैं, हालांकि पिछले साल की तुलना में बहुत कमी आयी है। भारत में अब 2 से 3 हजार के बीच रोजाना मामले दर्ज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 2 हजार 529 नए केस सामने आए है। नए केस आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 4 हजार 463 हो गई है, जबकि एक्टिव केस की संख्या घटकर 32 हजार 282 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 6 अक्टूबर 2022 को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना से 12 मरीजों ने जान गंवा दी। इसमें केरल के आठ मौतों को भी शामिल किया गया है। इसके बाद कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 5 लाख 28 हजार 745 हो गई है।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स का उद्घाटन किया। अत्याधुनिक अस्पताल का उद्घाटन करने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एम्स बिलासपुर का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री ने जिस AIIMS का उद्घाटन किया है वह 1,470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। इस दौरान सीएम जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे। इससे पहले प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश में परियोजनाओं के बारे में नागरिकों के सुझावों पर प्रतिक्रिया दी। प्रधानमंत्री ने एम्स बिलासपुर के लोकार्पण पर, जिसका शिलान्यास भी उन्होंने ही किया था, इस दौरान उन्होंने कहा कि-पूरे भारत में यही हाल है। टियर-2 और टियर-3 शहरों, कस्बों, आकांक्षी जिलों पर ध्यान दिया जा रहा है ताकि वे भी आगे बढ़ सकें।
गुजरात के सूरत और महाराष्ट्र के मुंबई में पुलिस ने एक विशेष अभियान में की गई छापेमारी में फर्जी नोट के एक गैंग का पर्दाफाश किया है। इस छापेमारी में पुलिस ने 317 करोड़ रुपये के मूल्य के जाली नोट जब्त किए और छह लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी विकास जैन को मुंबई से उठाया गया है। पूछताछ में पता चला कि वह एक कूरियर कंपनी संचालित करता है जिसकी कई शहरों में शाखाएं है। पुलिस को शक है कि वह कूरियर सर्विस के माध्यम से जाली नोटों की सप्लाई करता था। जाली नोट मुंबई, आणंद, सूरत और जामनगर में विभिन्न स्थानों से जब्त किए गए हैं। सूरत पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए जाली नोट 2,000 और 500 रुपये के हैं। इसके अलावा पुलिस ने नोटबंदी के दौरान चलन से बाहर किए गए 500 और 1,000 रुपये के नोट भी जब्त किये हैं।
बीजेपी ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है। इस साल के अंत में हिमाचल और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे और यहाँ पर बिलासपुर में नवनिर्मित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान मोदी 3,650 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री 11:30 बजे बिलासपुर में एम्स का उद्घाटन करेंगे। इस एम्स की आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने ही साल 2017 में रखी थी। इसके बाद वह स्थानीय लुहणू मैदान में कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। बिलासपुर के लुहणू मैदान में लोगों के आकर्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 50 फीट की ऊंची मूर्ति भी लगाई गई है। बिलासपुर के कार्यक्रम के उपरांतप्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा समारोह में शिरकत करेंगे। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 से 4 बजे के बीच कुल्लू दशहरा उत्सव की रथयात्रा में शामिल होंगे। गौरतलब है कि पीएम मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री है जो कुल्लू दशहरा की रथ यात्रा में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने पीएम मोदी की सुरक्षा संबंधी तैयारियों के लिए कमर कस ली है। सुरक्षा व्यवस्था में 2000 पुलिस जवान और होमगार्ड तैनात रहेंगे। रथ मैदान में सुरक्षा व्यवस्था इस बार पहले से अधिक कड़ी होगी। सांस्कृतिक एसपीजी के प्रोटोकॉल के जरिए लोगों को प्रवेश मिलेगा। सभी की गेट पर चेकिंग होगी। बिलासपुर में ढाई घंटे तक रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी बिलासपुर में एम्स के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां दो घंटे से अधिक समय तक रुकेंगे। पहले से निर्धारित उनके शेड्यूल के अनुसार बिलासुपर एम्स में सुबह करीब 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होगा। वे यहां करीब 40 मिनट रहेंगे फिर हेलीकॉप्टर से वह जनसभा को संबोधित करने जाएंगे। ऐसे होगा पीएम मोदी का स्वागत भाजपा के पदाधिकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भुंतर एयरपोर्ट पर स्वागत करेंगे और उसके बाद नरेंद्र मोदी का काफिला ढालपुर की ओर रवाना होगा। जिसमें कड़ी सुरक्षा के बीच पीएम ढालपुर पहुंचेगे। ढालपुर स्थित रथ मैदान में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है जहां प्रधानमंत्री के बैठक स्थल की तरफ किसी को भी आने की अनुमति नहीं होगी और रथ मैदान में जाने वाले देव समाज के लोगों और वीआईपी डयूटी पर तैनात सभी लोगों को आई कार्ड मुहैया करवाए जा रहे हैं और चैकिंग के बाद ही लोगों को मैदान में एंट्री मिलेगी। बंद रहेगा सरकारी कार्यालय, देव और अटल सदन मिली जानकारी मुताबिक आज कुल्लू में लोक निर्माण विभाग के एएसआई का कार्यालय बंद रहेगा और साथ में देव सदन और अटल सदन भी बंद रहेगा। यहां तक की लोक निर्माण विभाग के सरकारी रेजिडेंस भी खाली करवाए गए हैं। आवास में रह रहे सरकारी कर्मचारियों के परिवार को घर भेज दिया गया है। कुल्लू पुलिस ने साझा किया ट्रैफिक प्लान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के दौरान कुल्लू की सभी सड़कें सील रहेगी। पीएम मोदी का काफिला जब भुंतर एयरपोर्ट से कुल्लू की ओर निकलेगा उससे पहले ही फोरलेन मार्ग के साथ सभी लिंक रोड़ बंद करने के निर्देश दिए गए है। एएसपी कुल्लू सागर चंद्र ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि भारत के प्रधानमंत्री के कुल्लू आगमन व दशहरे के दौरान कुल्लू पुलिस ने यातायात निर्देश जारी किए हैं। प्रधानमंत्री के काफिले के चलने के दौरान सड़कों पर अन्य वाहनों को कुछ स्थानों पर रोका दिया जाएगा ताकि प्रधानमंत्री का काफिला सुरक्षित व निर्धारित समय पर कुल्लू रथ मैदान पहुंच सकें। ये सड़कें रहेंगी बंद पीएम मोदी के कुल्लू आगमन के दौरान आज भूंतर से लेकर शमशी तक, भून्तर के सैनिक चौक से लेकर भून्तर के हाथीथान चौक तक, हाथीथान चौक से लेकर शांगरीबाग कुल्लू तक का फोरलेन सड़क, गुरुद्वारा अखाड़ा बाजार, कुल्लू से लेकर ढालपुर कुल्लू तक बंद रहेंगी। एएसपी कुल्लू ने लोगों से अपील की है कि ढालपुर पहूंचने के लिए उपरोक्त बंदिशों को ध्यान में रखते हुए 2 बजकर 50 मिनट से पहले भून्तर, हाथीथान क्षेत्र से निकल जाए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली और राज्य के टॉप पुलिस अधिकारी की हत्या के बाद घाटी में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है। ये सेवाएं शाम 7 बजे तक बंद रहेंगी। पुलिस को आशंका है कि मोबाइल और इंटरनेट के दुर्भाग्यपूर्ण दुरुपयोग से सार्वजनिक व्यवस्था में गड़बड़ी पैदा हो सकती है। अमित शाह बीते कल 3 अक्टूबर से राज्य में दो दिनों के दौरे पर हैं। अमित शाह की रैली से पहले जम्मू-कश्मीर के डीजी जेल एचके लोहिया की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। डीजी की हत्या का शक उनके घर में काम करने वाले शख्स पर है क्योंकि पुलिस को अभी तक इसमें आतंक से जुड़ा कोई मामला नहीं मिला है। हालांकि बीते सप्ताह में ही घाटी में दो आतंकी हमले हुए हैं। तो वहीं आज अमित शाह ने जम्मू के कटरा में स्थित मां वैष्णो देवी के दर्शन किए और आरती भी की। इसके बाद उन्होंने राजौरी में एक जनसभा को संबोधित भी किया।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,968 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,45,99,466 हो गई है। पिछले 133 दिन में सामने आए ये सबसे कम दैनिक मामले हैं। इससे पहले 23 मई को 24 घंटे में 1,675 नए मामले सामने आए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह 8 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 15 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 5,28,716 हो गई है। इन 15 मामलों में वे 8 लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम संक्रमण से मौत के आंकड़ों का दोबारा मिलान करते हुए केरल ने वैश्विक महामारी से जान गंवाने वाले मरीजों की सूची में जोड़े हैं। आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या घटकर 34,598 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.08 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1,528 की कमी दर्ज की गई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.74 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के जारी आंकड़ों के मुताबिक दैनिक संक्रमण दर 0.94 प्रतिशत जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.29 प्रतिशत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कल हिमाचल प्रदेश की एक दिवसीय यात्रा को कवर करने वाले पत्रकारों से चरित्र प्रमाण पत्र मांगने वाला नोटिस आज प्रशासन ने वापस ले लिया, क्योंकि इससे पत्रकारों में काफी गुस्सा देखा गया। 29 सितंबर को लिखे गए पत्र में सभी प्रेस संवाददाताओं, फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों की सूची मांगी गई थी। साथ ही उनके चरित्र सत्यापन का प्रमाण पत्र भी मांगा गया था। यहां तक कि सरकारी दूरदर्शन और आकाशवाणी के पत्रकारों को भी इसका पालन करना था। अधिसूचना में कहा गया था कि पत्रकारों को 1 अक्टूबर तक "सकारात्मक" प्रमाण पत्र जमा करने के लिए कहा गया था। अधिसूचना में कहा गया है, "रैली या बैठक में उनकी पहुंच इस कार्यालय द्वारा तय की जाएगी।" आज सुबह पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने खेद के साथ नई अधिसूचना जारी की। अधिसूचना में कहा, "यह खेदजनक है कि इस कार्यालय द्वारा अनजाने में पत्र जारी किया गया था। पत्र वापस ले लिया गया है, यह कहते हुए कि मीडिया का "स्वागत" है और उनको कवरेज की सुविधा प्रदान की जाएगी। नए पत्र में कहा गया है कि सरकार के मीडिया विभाग द्वारा अनुशंसित सभी को पास जारी किए जाएंगे। वहीं हिमाचल प्रदेश के पुलिस प्रमुख संजय कुंडू ने भी अपने ट्वीट में खेद व्यक्त किया है। कुंडू ने ट्वीट किया, "प्रधानमंत्री के हिमाचल प्रदेश के दौरे को कवर करने के लिए सभी पत्रकारों का स्वागत है। हिमाचल प्रदेश पुलिस उनको कवरेज की सुविधा प्रदान करेगी। किसी भी असुविधा के लिए खेद है।"
शिवसेना सांसद संजय राउत पात्रा चॉल लैंड स्कैम मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी न्यायिक हिरासत को 10 अक्टूबर तक बढ़ा दिया गया है। अब संजय राउत की रिमांड और जमानत दोनों पर एक ही दिन सुनवाई होगी। कोर्ट ने दोनों को मर्ज कर दिया है। राउत की जमानत अर्जी और जेल हिरासत पर अब 10 अक्टूबर को कोर्ट सुनवाई करेगा। प्रवर्तन निदेशालय ने राउत को 1अगस्त को मुंबई के उत्तरी उपनगरों में एक पुनर्विकास परियोजना से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग के सिलसिले में गिरफ्तार किया था। संजय राउत को सह आरोपी प्रवीण राउत से कांदिवली में पात्रा चॉल की पुनर्विकास परियोजना से अपराध की आय प्राप्त करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। ईडी ने शुरू में दावा किया था कि राउत के परिवार को 1.06 करोड़ रुपये 'प्रत्यक्ष लाभार्थी' के रूप में मिले थे। राउत ने आरोपों से इनकार किया है। ईडी ने राउत की पत्नी वर्षा से भी अपने कार्यालय में पूछताछ की थी।
देश के निर्यात में बीते महीने गिरावट दर्ज की गई है और आयात बढ़ गए हैं। इसका असर व्यापार घाटे पर देखने को मिल रहा है। भारत का निर्यात पिछले साल के सितंबर महीने के 33.81 अरब डॉलर की तुलना में 3.52 फीसदी घटकर इस साल सितंबर में 32.62 अरब डॉलर का रह गया। वहीं व्यापार घाटा बढ़कर 26.72 अरब डॉलर हो गया है। वाणिज्य मंत्रालय ने सोमवार को इस संबंध में प्राथमिक आंकड़ा जारी किया। वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक हालांकि देश का आयात पिछले साल के सितंबर महीने के 56.29 अरब डॉलर से 5.44 फीसदी बढ़कर इस साल सितंबर में 59.35 अरब डॉलर तक पहुंच गया। देश के निर्यात में बीते महीने गिरावट रही जबकि आयात के आंकड़े में इजाफा देखा गया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022-23 में अप्रैल-सितंबर के दौरान निर्यात 15.54 फीसदी बढ़कर 229.05 अरब डॉलर हो गया। इस अवधि में आयात 37.89 फीसदी बढ़कर 378.53 अरब डॉलर हो गया। साल के पहले छह महीनों में जहां देश का निर्यात बढ़ा है वहीं आयात इससे ज्यादा ऊंचे स्तर पर रहा है जिसके चलते व्यापार घाटे के आंकड़े में भी इजाफा दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिल गई है। एक लाख रुपये की श्यूरिटी राशि पर देशमुख को जमानत मिली है। अनिल देशमुख ने कथित 100 करोड़ घोटाले मामले में जमानत की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पिछले सप्ताह देशमुख की जमानत अर्जी पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने सुनवाई की थी। जहां दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मंगलवार (4 अक्टूबर) को अदालत ने अपना फैसला सुनाया है। हालांकि अनिल देशमुख को ईडी के द्वारा दर्ज मामले में जमानत दे दी गई है, लेकिन उनके खिलाफ सीबीआई ने जो मामला दर्ज किया था, उसके सिलसिले में वह हिरासत में ही रहेंगे। अनिल देशमुख को पिछले साल नवंबर में गिरफ्तार किया गया था और इस साल की शुरुआत में एक विशेष पीएमएलए अदालत द्वारा उनकी जमानत अर्जी खारिज करने के बाद उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
एयर फोर्स डे से पहले वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने बड़ा एलान किया है। वायुसेना प्रमुख ने बताया कि अग्नीपथ योजना के तहत 'एयर वॉरियर' की भर्तियों को सुव्यवस्थित कर दिया गया है। इस साल दिसंबर में 3,000 अग्निवीर वायु को भारतीय एयर फोर्स में शामिल किया जाएगा। साथ ही महिला अग्निवीरों की भर्ती की योजना अगले साल के लिए बनाई है। उन्होंने बताया कि LAC से लगे इलाकों में डिसइंगेजमेंट की गई है। चीनी वायु सेना की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। रेडार और वायु रक्षा नेटवर्क की उपस्थिति बढ़ाई गई है। साथ ही उचित समय पर गैर-एस्केलेटर उपाय किए हैं। बता दें कि एयर फोर्स डे से पहले वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आरचौधरी वायुसेना सालाना प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करने कर रहे हैं। दरअसल, अक्टूबर को वायुसेना अपना 90वां स्थापना दिवस मनाने जा रही है। इस साल वायुसेना की सालाना परेड और फ्लाई पास्ट चंडीगढ़ में होने जा रही है। यह पहली बार सबसे बड़ा फ्लाई पास्ट होगा, जो करीब 2 घंटे तक चंडीगढ़ के सुप्रसिद्ध सुकना लेक के आसमान में होगी। कुल 83 एयरक्राफ्ट हिस्सा लेंगे। पहली बार एलसीएच कॉम्बेट हेलीकॉप्टर भी हिस्सा लेंगे।
कई महीनों तक लगातार बारिश के बाद अब मानसून पूरी तरह से विदा होने लगा है। हालांकि, अगले दो से तीन दिनों के लिए हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। एक कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है। इसके अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की संभावना है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखंड में बारिश की होने का अनुमान है। पूर्वानुमान के मुताबिक इस बारिश की वजह से इन इलाकों में दुर्गा पूजा में भी असर पड़ सकता है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। वहीं, आज 4 अक्टूबर को बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी छिटपुट बारिश के साथ ही तेज बारिश होने की संभावना है। 6 और 7 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना। वहीं, उत्तराखंड में 6 से 8 अक्टूबर तक भी अलग-अलग जगहों पर बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना है।
बीजेपी ने इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है। इस साल के अंत में हिमाचल और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दशहरा के मौके पर 5 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे और यहाँ पर बिलासपुर में नवनिर्मित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान मोदी 3,650 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री पांच अक्टूबर को 11.30 बजे बिलासपुर में एम्स का उद्घाटन करेंगे। इस एम्स की आधारशिला प्रधानमंत्री मोदी ने ही साल 2017 में रखी थी। इसके बाद वह स्थानीय लुहणू मैदान में कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के हिमाचल दौरे को लेकर बिलासपुर में तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रहीं हैं। यहां तक कि बिलासपुर के लुहणू मैदान में लोगों के आकर्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 50 फीट ऊंची मूर्ति भी लगाई गई है। बिलासपुर के कार्यक्रम के उपरांत प्रधानमंत्री मोदी अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा समारोह में भी शिरकत करेंगे। उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 अक्तूबर को 3 से 4 बजे के बीच कुल्लू दशहरा उत्सव की रथयात्रा में शामिल होंगे। गौरतलब है कि पीएम मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री है जो कुल्लू दशहरा कि रथ यात्रा में शामिल होंगी। जिला प्रशासन ने नहीं पीएम मोदी सुरक्षा संबंधी तैयारियों के लिए कमर कस ली है। सुरक्षा व्यवस्था में 2000 पुलिस जवान और होमगार्ड तैनात रहेंगे। रथ मैदान में सुरक्षा व्यवस्था इस बार पहले से अधिक कड़ी होगी। सांस्कृतिक एसपीजी के प्रोटोकॉल के जरिए लोगों को प्रवेश मिलेगा। सभी की गेट पर चेकिंग होगी।
वायुसेना ने देश में विकसित हल्के लड़ाकू हेलिकॉप्टरको सोमवार को औपचारिक रूप से अपने बेड़े में शामिल कर लिया है। इससे वायुसेना की ताकत में भारी इजाफा हुआ है। ये हेलिकॉप्टर कई मिसाइलों और अन्य हथियारों को दागने में सक्षम है। इस हेलिकॉप्टर को हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड ने विकसित किया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर चौधरी की मौजूदगी में एलसीएच को जोधपुर स्थित वायुसेना स्टेशन पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल किया गया। इसे शामिल करने से पहले जोधपुर एयरबेस पर पूजा पाठ हुई और मंत्रोच्चारण किया गया। 5.8 टन वजन के और दो इंजन वाले इस हेलिकॉप्टर से पहले ही कई हथियारों के इस्तेमाल का परीक्षण किया जा चुका है। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण रोल अदा किया है। चाहे वो आतंरिक खतरे हों या बाहरी युद्ध भारतीय वायुसेना ने हमेशा ही अपने साहस और बहादुरी से राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत किया है। स्वदेश में विकसित एलसीएच के शामिल होने से भारतीय वायुसेना की दक्षता में वृद्धि होगी।
ईरान से चीन जा रहे यात्री विमान में अब से कुछ देर पहले बम के होने की खबर मिली थी। वहीं अब एयरफोर्स का कहना है कि यह झूठी खबर हो सकती है एक अफवाह हो सकती है। हालांकि, अब तक किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें, ईरान से चीन जा रहे यात्री विमान में बम की खबर मिली है। ईरानी यात्री विमान भारतीय वायु सीमा से गुजर रहा था जिस दौरान उसमें बम के होने की खबर मिल। ये खबर लाहौर एयरपोर्ट एटीसी ने विमान को दी। वहीं, इस खबर के बाद विमान की ओर से भारत में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी गई लेकिन भारत ने इसकी इजाजत नहीं दी। दिल्ली एयरपोर्ट से जयपुर एयरपोर्ट को इस विमान की जानकारी साझा की गई। भारीय एजेंसिया अलर्ट मोड पर आकर विमान की निगरानी में जुट गईं। बताया जा रहा है कि, विमान दिल्ली और जयपुर में उतरना चाहता था लेकिन उसे परमिशन नहीं दी गई। अब ये फ्लाइट चीन की ओर ही बढ़ रही है।
कोरोना के मामलों में पिछले कई दिनों से गिरावट दर्ज की जा रही है। इसी क्रम में भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 3,011 नए केस सामने आये है। नये केस आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर करोड़ 45 लाख 97 हजार 498 हो गये है। जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 36 हजार 126 रह गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के नए आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 36 हजार 126 रह गई है। जो कुल दर्ज मामलों का मात्र 0.8 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 1 हजार 318 की कमी दर्ज की गई है। जबकि मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.73 प्रतिशत हो गई है।
शेयर बाजारों में आज हल्की तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत हुई है। बाजार खुलने से पहले एशियाई बाजारों से मिलेजुले संकेत आ रहे थे जिसका भारतीय शेयर बाजार को कोई खास सपोर्ट नहीं मिला है। बाजार में आज निफ्टी की लगभग सपाट शुरुआत देखी गई है। आज के प्री-ओपन में लगभग 60 फीसदी शेयर ग्रीन जोन में सेटल होते हुए दिखे थे जिसके आधार पर साफ था कि घरेलू शेयर बाजार आज तेजी के रुख के साथ शुरुआत करेगा। बैंक, आईटी और मेटल शेयरों में दवाब देखा जा रहा है। आज स्टॉक मार्केट में मिलीजुली शुरुआत हुई है और सेंसेक्स हल्के लाल निशान में तो निफ्टी मामूली तेजी के साथ हरे निशान में खुला है। बाजार की सपाट शुरुआत में बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 23 अंक यानी 0.40 फीसदी की गिरावट के साथ 57,403 पर खुला है। एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 8 अंक ऊपर चढ़कर 17,102 पर खुलने में कामयाब रहा है।
अक्टूबर का महीना चल रहा है, लेकिन मानसून की विदाई अभी तक नहीं हुई है। देश के कई हिस्सों में मानसून अभी सक्रिय है। मौसम विभाग के मुताबिक साइक्लोन 'नोरु' की वजह से बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के चलते दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई में देरी होगी। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में सोमवार (3 अक्टूबर) को मौसम साफ रहेगा। दक्षिण के कुछ राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 6 अक्टूबर से फिर से झमाझम बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही देश के पूर्वोत्तर और पूर्वी क्षेत्रों में भी अगले 3-4 दिनों में भारी बारिश होने की आशंका है। बारिश के साथ हवाएं भी चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
राजस्व खुफिया निदेशालय ने एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। एजेंसी ने तीन राज्यों में ऑपरेशन चलाया और 5.3 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। खुफिया इनपुट के आधार पर, डीआरआई (मुंबई) के अधिकारियों ने विदेशी डाकघर (मुंबई) में 'खाद्य पदार्थों' में छिपाकर ले जाए जा रहे अमेरिकी मूल की डाक खेप से 3.5 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक खरपतवार जब्त किया। यह खेप हैदराबाद भेजी जानी थी। जांच से पता चला कि इस ड्रग कार्टेल को विभिन्न राज्यों से संचालित किया जा रहा था। वहीं बरामद की गई खेप को हैदराबाद भेजने के बजाय दिल्ली से एक्सचेंज किया जाना था। डीआरआई ने कहा कि सूचना के आधार पर निगरानी रखी गई और कार्टेल के मास्टरमाइंड सहित दो लोगों को हैदराबाद में गिरफ्तार किया गया।
पुरानी पेंशन बहाली आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा है। कांग्रेस जहां सत्ता वापसी पर OPS बहाली का ऐलान कर चुकी है, वहीं आम आदमी पार्टी भी इसके पक्ष में ऐलान कर रही है। भाजपा ने पांच साल में OPS बहाल नहीं की है और अब भी इस मुद्दे पर बचती दिख रही है। दरअसल यदि भाजपा हिमाचल में OPS बहाल करती है तो देश के अन्य राज्यों में भी उसे OPS बहाल करने का दबाव बढ़ेगा जहां वर्तमान में भाजपा की सरकारें है। भाजपा कांग्रेस के वादे को झूठा करार दे रही है लेकिन देश के दो राज्यों में इस वक्त कांग्रेस की सरकार है और दोनों इसे लागू कर चुके है। ऐसे में मुमकिन है कर्मचारी कांग्रेस पर भरोसा करें। ऐसा हुआ तो भाजपा के लिए मिशन रिपीट मुश्किल होगा। हिमाचल प्रदेश में एक लाख से ज्यादा कर्मचारी न्यू पेंशन स्कीम के दायरे में है और यदि इनका साथ कांग्रेस को मिलता है तो उसकी राह आसान हो सकती है। NPSEA के मुताबिक ये संख्या करीब एक लाख तीस हजार है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का एक आरोपी गैंगस्टर दीपक टीनू मानसा पंजाब पुलिस की हिरासत से फरार हो गया है। गैंगस्टर दीपक टीनू मानसा लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया जाता है। गैंगस्टर की तलाश में पूरे पंजाब में अलर्ट जारी किया गया है। गैंगस्टर दीपक टीनू मानसा रात के करीब तीन बजे सीआईए स्टाफ मानसा की हिरासत से फरार हुआ। बताया जाता है कि तिहाड़ जेल में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कपूरथला जेल में गैंगस्टर दीपक टीनू मानसा से कॉन्फ्रेंस कॉल की थी, जिसके बाद वह सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश में शामिल हुआ था। गैंगस्टर दीपक टीनू मानसा पहले भी पुलिस की हिरासत से फरार हो चुका है। 2017 में दिल्ली पुलिस की गैंगस्टरों से मुठभेड़ हुई थी, उस समय गोलीबारी के दौरान टीनू मानसा पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। उससे पहले जून 2017 में टीनू मानसा अंबाला की जेल में बंद था, जहां तबीयत बिगड़ने की शिकायत पर उसे हरियाणा के पंचकूला के एक अस्पताल में लाया गया था।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज शाम गुवाहाटी में खेला जाएगा। पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में उसके लिए यह मैच 'करो या मरो' का होगा। इधर, भारतीय टीम यह मुकाबला जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त लेने उतरेगी। भारतीय टीम के पास आज एशिया कप 2022 और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज में मिली हार की निराशा दूर करने का अच्छा मौका होगा। यह मैच जीतकर वह अपने खोए हुए आत्मविश्वास को हासिल कर सकती है। भारत को टी20 वर्ल्ड कप के लिए परफेक्ट-11 खोजने के हिसाब से भी यह मैच अहम साबित होगा। टीम इंडिया पॉसिबल प्लेइंग-11: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, आर अश्विन, दीपक चाहर, अर्शदीप सिंह। दक्षिण अफ्रीका पॉसिबल प्लेइंग-11: टेंबा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), रीली रॉसू, एडन मार्करम, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, वेन पारनेल, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्किया, तबरेज शम्सी।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पार्टी ने कमर कस ली है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में खड़गे साथ दीपेंद्र हुड्डा, गौरव बल्लभ और नासिर हुसैन भी मौजूद रहे। इस दौरान पता चला कि कांग्रेस के तीन बड़े प्रवक्ताओं ने इस्तीफा दे दिया है। अब ये तीन प्रवक्ता अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए चुनाव प्रचार करते हुए दिखाई देंगे। जिन प्रवक्ताओं ने इस्तीफा दिया उनमें गौरव बल्लभ, दीपेंद्र हुड्डा और नासिर हुसैन शामिल हैं। इस पर पार्टी प्रवक्ता गौरव बल्लभ ने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर हमने पार्टी प्रवक्ता के पद से इस्तीफा दे दिया है और आगे खड़गे के प्रचार के लिए काम करेंगे।" इसके बाद अब आधिकारिक तौर पर कांग्रेस पार्टी मल्लिकार्जुन खड़गे का समर्थन करती है।
कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच मुकाबला होगा। कांग्रेस प्रमुख के चुनाव में केवल ये दो ही उम्मीदवार होंगे। केएन त्रिपाठी का नामांकन रद्द हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होगा और 19 अक्टूबर को मतों की गिनती के बाद उसी दिन नतीजा घोषित किया जाएगा। कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि कांग्रेस के दो उम्मीदवार अध्यक्ष पद के चुनाव में खड़े होंगे। 8 अक्टूबर तक नाम वापस लिया जा सकता है। आज दो ही प्रत्याशी आमने सामने हैं बाकी तस्वीर 8 तारीख के बाद साफ होगी. कोई नाम वापस नहीं लेता है तो चुनाव की प्रक्रिया प्रारम्भ होगी। मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि शुक्रवार को कुल 20 फॉर्म जमा किए गए। इनमें से स्क्रूटनी कमेटी ने हस्ताक्षर की समस्या के कारण 4 फॉर्म को खारिज कर दिया। केएन त्रिपाठी के फॉर्म को खारिज कर दिया गया क्योंकि यह निर्धारित मानदंडों को पूरा नहीं करता था, इसमें हस्ताक्षर से संबंधित समस्या थी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के दो मौजूदा दावेदारों में मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर शामिल हैं।
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के गांधीनगर से मुंबई के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह देश में चलने वाली तीसरी वंदे भारत ट्रेन है। यह ट्रेन गांधीनगर से महाराष्ट्र के मुंबई से सेंट्रल के बीच रफ्तार भरेगी। वंदे भारत ट्रेन पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से बनी है और यह 0 से 100 किलोमीटर की स्पीड केवल 52 सेकेंड में पकड़ लेती है। यह ट्रेन आने वाले दिनों में भारतीय रेलवे के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। वंदे भारत ट्रेन न सिर्फ स्पीड और तकनीक में बेहद आगे है बल्कि यह कई सुविधाओं से भी लैस है. इस ट्रेन में यात्रियों को स्पेशल खाना परोसा जाएगा। इस ट्रेन में यात्री गुजरात और महाराष्ट्र के ट्रेडिशनल फूड के अलावा कई तरह के भारतीय खाने का लुत्फ उठा पाएंगे। यात्रियों को अनाज, जई, रागी, भागर आदि जैसे चीजों से बना खाना सर्व किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में व्रत और जैन खाना भी सर्व किया जाएगा। यात्रा करते हुए बिना प्याज-लहसुन का खाना खा सकते हैं जिसे बेहद साफ-सुथरी रसोई में पकाया जाता है। ट्रेन में साबूदाने से बनी कई चीजें और फलों की कई डिशेज भी ट्रेन में मंगा सकते हैं। यात्रियों के लिए ट्रेन में चॉकलेट की जगह मूंगफली चिक्की ट्रेन में मिलेगी।
आज से महिला एशिया कप का आगाज हो गया है। पहले मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश ने थाइलैंड को 9 विकेट से हराया, वहीं दूसरे मुकाबले में भारत और श्रीलंका की टीमेंआमने-सामने है। यहां भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जेमिमा रॉड्रिग्ज के ताबड़तोड़ अर्धशतक की बदौलत श्रीलंका को 151 रन का लक्ष्य दिया है। सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारत की शुरुआत खराब रही। 23 रन के कुल योग पर भारतीय टीम अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी थी। शेफाली वर्मा (10) और स्मृति मंधाना (6) सस्ते में पवेलियन लौट गईं। यहां से जेमिमा रॉड्रिग्ज ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (33) के साथ मिलकर 92 रन की साझेदारी की। हरमनप्रीत के आउट होने के बाद जेमिमा ने दयालन हेमलता (13*) के साथ मिलकर कुछ देर पारी को आगे बढ़ाया और फिर वह 76 रन बनाकर आउट हो गईं। जेमिमा ने महज 53 गेंद में 76 रन की यह बेजोड़ पारी खेली। उनके आउट होने के बाद भारतीय पारी निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 150 रन पर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से ओसाड़ी रामासिंघे ने 3 और सुगंधिका और चमारी अटापट्टू ने 1-1 विकेट चटकाए।


















































