हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने अफगानीस्तान में फसे हिमाचल के दो युवकों को वापिस भारत लाने के लिए केन्द्रीय विदेश मंत्री सुब्रमण्यम जय शंकर और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पत्र लिखा है। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश मंडी जिला के सरकाघाट के दो युवक अफगानिस्तान के काबूल में फसें हैं। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में चल रहे गृह युद्ध के कारण वहाॅ हमारे प्रदेश के दो युवक नवीन ठाकुर, उम्र 36 वर्ष, पुत्र मान सिंह, वार्ड नंबर 2, सरकाघाट और राहुल बुराड़ी, पुत्र बलवंत बुराड़ी, रोपा कालोनी, सरकाघाट, जिला मंडी दहशत भरे माहौल में फसे हुए हैं। नेगी निगम भंडारी ने कहा कि दोनों के परिवारजन अपने युवकों की सुरक्षा को लेकर घबराए हुए है। परिवारजन उन्हें सुरक्षित घर वापसी की लगातार मदद की गुहार लगा रहे है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई भी सरकारी नुमाइंदा उनकी बात सुनने और जानने के लिए नही पहुॅंचा है। नेगी निगम भंडारी ने केन्द्र व प्रदेश सरकार से मांग की है कि हिमाचल प्रदेश के इन दोनों युवकों को अफगानिस्तान से भारत लाने की जल्द से जल्द व्यवस्था की जाए ताकि उन्हें और उनके परिवारों को राहत मिल सके।
शुक्रवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) कोटखाई में स्कूल प्रबंधन समिति का गठन किया गया जिसकी अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अजय वशिष्ट ने की। बैठक में सर्वसम्मति से सुषमा चौहान को स्कूल प्रबंधन समिति का अध्यक्ष चुना गया। रिंकी, देवेंद्र, जोगेंद्र, सुभाष ,विद्या ,युद्धवीर सिंह को अभिभावकों की तरफ से एसएमसी का सदस्य चुना गया। शिक्षक वर्ग से भी रच्छपाल ब्रागटा, अशोक चौहान, संदीप शर्मा, नवीन किशोर और राजेश सरस्वत को सदस्य चुना गया।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जन आशीर्वाद यात्रा के प्रदेश प्रभारी संजीव कटवाल ने बताया कि केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर 19 अगस्त को जन आशीर्वाद यात्रा के कार्यक्रम हेतु हिमाचल प्रदेश पहुंचेंगे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप भी उपस्थित रहेंगे। प्रदेश के सभी विधायक, 2017 के प्रत्याशी, चेयरमैन, वाईस चेयरमैन, जन प्रतिनिधि, प्रदेश ,ज़िला, मंडल के पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता अपने-अपने मंडल में इस यात्रा का स्वागत करेंगे। उन्होंने बताया की केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मंत्री सुखराम चौधरी एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, विधायक चेयरमैन, वाईस चेयरमैन एवं सिरमौर ज़िला के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं उनका ढोल नगाड़ों के साथ प्रातः 9:30 बजे हिमाचल भवन में स्वागत करेंगे। यह यात्रा दोपहर 11 बजे ओल्ड बस स्टैंड परमाणु में प्रवेश करेगी जहां प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजीव सहजल, सोलन ज़िला के विधायक, चेयरमैन, वाईस चेयरमैन एवं ज़िला सोलन एवं कसौली मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत करेंगे। दोपहर 12:30 बजे वह सर्किट हाउस सोलन, 3 बजे सोलन पहुंचेंगे जहां सोलन मंडल द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा, केंद्रीय मंत्री साँय 3:30 बजे मुख्य बाजार कंडाघाट और साँय 4 बजे मुख्य बाजार शोघी पहुंचेंगे जहां शिमला ग्रामीण मंडल केंद्रीय मंत्री का भव्य स्वागत करेगा। उन्होंने बताया की साँय 4:30 बजे अनुराग ठाकुर होटल पीटरहॉफ शिमला पहुंचेंगे जहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, मंत्री सुरेश भारद्वज एवं ज़िला व शिमला मंडल उनका स्वागत करेंगे। उसके उपरांत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर पीटरहॉफ शिमला में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। संजीव कटवाल ने बताया की यात्रा के दूसरे दिन 20 अगस्त को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर प्रातः 9:50 पर भाजपा मुख्यालय दीप कमल चक्कर पहुंचेंगे, 10:15 बजे शिमला ग्रामीण के अंतर्गत घणाहट्टी बाजार में शिमला ग्रामीण मंडल केंद्र मंत्री का स्वागत करेगा। उन्होंने बताया की केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर 10:30 बजे जिला सोलन के अंतर्गत विधानसभा की में गलोग पहुंचेगी जहां में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उसके उपरांत 12:00 बजे वह दाड़लाघाट, 12:30 भराड़ीघाट, 12:40 पर ज़िला बिलापुर के अंतर्गत नमहोल पहुंचेंगे जहां पर मंत्री राजिंद्र गर्ग व जिला बिलापुर के सभी विधायक, स्थानीय कार्यकर्ता उनका जोरदार स्वागत करेंगे। केंद्र मंत्री 2 बजे नौणी, 2:30 बजे मुख्य बाजार बिलासपुर पहुंचेंगे जहां एक जनसभा को संबोधित करने से पूर्व वह शहीदी स्मारक में शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। अनुराग ठाकुर 4 पर घाघस, 4:30 पर बरमाणा पहुंचेंगे जहां स्थानीय कार्यकर्ता करते उनका स्वागत करेंगे। संजीव कटवाल ने बताया की जिला मंडी के अंतर्गत सुंदरनगर केंद्रीय मंत्री 5 बजे पहुंचेंगे जहां सुंदर नगर मंडल उनका स्वागत करेगा उसके उपरांत 5:15 बजे धनोटू चौक जहाँ नाचन मंडल, 5:30 बजे मुख्य बाजार नेरचौक जहाँ बल्ह मंडल, 6 बजे सर्किट हाउस मंडी जहां मंडी मंडल केंद्र मंत्री का जोरदार स्वागत करेगा। कार्यक्रम प्रभारी संजीव अटवाल ने बताया कि यात्रा के तीसरा दिन 21 अगस्त को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर 10:30 बजे पद्धर बाजार जहाँ स्थानीय कार्यकर्ता , 11:30 बजे जोगिन्दरनगर बाजार जहाँ जोगिन्दरनगर मंडल, 12 बजे चौतडा , 1 बजे बैजनाथ बाजार , 2 बजे पड़ियाखर, 2:30 बनूरी, 2:45 चढ़ियार चौक जहाँ स्थानीय कार्यकर्ता, 3 बजे मुख्य बाजार पालमपुर जहां पालमपुर मंडल उनका स्वागत करेगा। 4 बजे अरला संगम पैलेस जहाँ सुलह मंडल, 4:15 पर मला, 4:30 पर डाढ़, 4:45 चामुंडा मंदिर, 5:15 पर फतेहपुर जहाँ धर्मशाला मंडल और 5:45 बजे सर्किट हाउस धर्मशाला पहुंचेंगे जहां धर्मशाला मंडल उनका स्वागत करेगा। संजीव अटवाल ने बताया कि यात्रा के चौथे दिन 22 अगस्त को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर 10 बजे गग्गल, 10:30 पर कांगड़ा जहाँ कांगड़ा मंडल, 11बजे रानीताल, 10:15 पर पाईसा जहाँ देहरा मंडल, 11:30 बजे देहरिया, 12 बजे जवालामुखी, 12:15 पर कुंडलीधार, 12:30 बजे हनुमान चौक देहरा जहाँ देहरा मंडल, 1 बजे नैहरनपुखर और 1:55 बजे प्रागपुर पहुंचेंगे जहां जसवां प्रागपुर मंडल उनका स्वागत करेगा। केंद्रीय मंत्री 2:55 बजे कलोहा, 2:30 पर रक्कड़, 3 बजे कलूर, 3:15 पर नादौन, 3:30 पर जलाडी, 3:45 पर भुम्पल, 4 बजे नोहंगी, 4:15 पर रंगस, 4:30 पर झनियारी, 4:35 पर पक्का भोर जांच स्थानीय कार्यकर्ता और 4:45 पर सर्किट हाउस हमीरपुर पहुंचेंगे जहां सहित हमीरपुर मंडल उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। संजीव कटवाल ने बताया की यह यात्रा चारों लोकसभा क्षेत्रों से होती हुई 630 किलोमीटर चलेगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज प्रदेश के विभिन्न भागों में स्थित अग्निशमन केंद्रों और उप-अग्निशमन केंद्रों के लिए अग्निशमन सेवाएं विभाग के 17 अग्निशमन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि यह वाहन किन्नौर, माल रोड़ शिमला, पांवटा साहिब, बिलासपुर, कुल्लू, बद्दी, परवाणु, नालागढ़, ऊना और चम्बा के अग्निशमन केंद्रों, झंण्डुता और गोहर के उप-अग्निशमन केंद्र तथा जुब्बल, पतलीकूहल, संसारपुर टैरेस, पधर और जोगिन्द्रनगर की दमकल चैकी को प्रदान किए जाएंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले तीन सालों के दौरान अग्निशमन वाहनों एवं अन्य उपकरणों की खरीद के लिए 21.26 करोड़ रुपये तथा अग्निशमन विभाग के विभिन्न भवनों के निर्माण के लिए 17.46 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर अग्निशमन सेवाएं उपलब्ध होंगी। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, अतिरिक्त मुख्य सचिव जेसी. शर्मा, विशेष सचिव गृह राकेश शर्मा, निदेशक अग्निशमन सेवाएं विभाग एसपी सिंह, उप महा-आदेशक गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा अनुज तोमर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
अतिरिक्त उपायुक्त शिमला किरण भड़ाना की अध्यक्षता में सोमवार को जिला क्षय रोग निवारण समिति एवं जिला क्षय सह रुग्णता समिति की बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि जिला में क्षय रोग निवारण हेतु हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं ताकि जिला को क्षय रोग मुक्त किया जा सके। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के बाद क्षय रोगियों में 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को कोविड पॉजिटिव के बाद क्षय रोग जैसे लक्षण नजर आते हैं तो वह अपने क्षय रोग की जांच अवश्य करवाएं, ताकि समय रहते उसका उपचार हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को क्षय रोग से संबंधित जागरूक करने के लिए बनाई गई वीडियो को साझा करने के निर्देश दिए ताकि जिला के खंड स्तर तक क्षय रोग के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके। उन्होंने इस संदर्भ में जिला में लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए ताकि इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने जिला के अन्य अस्पतालों में क्षय रोग निवारण हेतु आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए ताकि वहां के लोगों का परीक्षण व इलाज वही पर हो सके। उन्होंने कहा कि क्षय रोग निवारण हेतु टीबी आरोग्य साथी एप बनाई गई है जिसके माध्यम से नागरिक क्षय रोग से संबंधित जानकारी हासिल कर सकते है वही निक्ष्य के तहत पंजीकृत क्षय रोगी लॉगिन के उपरांत इस संबंध में और अधिक जानकारी हासिल कर सकते है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री क्षय रोग निवारण योजना के अंतर्गत जिला में जनवरी माह से जुलाई तक 2 लाख 62000 की राशि व्यय की गई है वहीं 500 रुपए प्रति माह की दर से सभी क्षय रोगियों को जनवरी माह से जुलाई तक 17 लाख 16000 रुपए की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सभी अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें ताकि जिला को क्षय रोग मुक्त किया जा सके। इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ राकेश शर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ पवन जैरथ, विश्व स्वास्थ्य संगठन से डॉ रविंद्र, आईजीएमसी से डॉ मलय सरकार एवं अन्य अधिकारीगण व गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे ।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति पर आरोप लगाया है कि वह छात्रों के साथ भेदभाव कर विश्वविद्यालय के माहौल को तनावपूर्ण बना रहे है। उन्होंने एनएसयूआई के तीन छात्र नेताओं को विश्वविद्यालय में प्रवेश पर रोक के फरमान की आलोचना करते हुए इन छात्रों की तुंरत बहाली करने को कहा है। राठौर ने सोमवार को कहा कि विश्वविद्यालय के कुलपति सिकंदर कुमार अपनी मनमानी कर रहें है। उन्होंने कहा की कुलपति ऐसा कर प्रदेश विश्वविद्यालय की स्वायत्तता का हनन कर अपनी मर्यादाओं को भी लांघ रहें है जो बहुत ही चिंता का विषय है। उन्होंने कहा है कि कुलपति अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए एक तानाशाही के तौर पर नियमों के विपरीत फैंसले ले रहे है। राठौर ने कहा है केंग की रिपोर्ट में विश्वविद्यालय के काले कारनामे, भ्रष्टाचार उजागर हो चुके है। अपने इन कारनामों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए कुलपति कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं व उसके अग्रणी छात्र संगठन के किसी भी विरोध व आंदोलन को दबाने के लिए एक सोची समझी राजनीति के तहत सरकार के इशारे पर काम कर रहें है। राठौर ने कहा है कि इससे पूर्व भी समय समय पर छात्र आंदोलन चलते रहे है।विश्वविद्यालय हो या महाविद्यालय कभी भी इस प्रकार से छात्रों के साथ न तो कभी भेदभाव किया है और न ही कभी किसी छात्र नेताओं का प्रांगण में आना प्रतिबंधित। उन्होंने इस प्रतिबंध को तुरंत रद्द करने की मांग करते हुए कुलपति को चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने ऐसा नही किया तो कांग्रेस को मजबूरन किसी भी आंदोलन के लिए मैदान में उतरना पड़ेगा और अगर कोई इसके चलते तनाव पैदा होता है तो इसकी पूरी जिम्मेवारी विश्वविद्यालय के साथ साथ प्रदेश सरकार की भी होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने स्वतंत्रता सेनानी हिमाचल प्रदेश में सेब बाग़वानी के प्रणेता स्व. सत्यानंद स्टोक्स की जयंती पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से उन्हें शत शत नमन करते हुए उन्हें अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए है। राठौर ने एक संदेश में कहा है कि सत्यानन्द स्टॉक्स प्रदेश में बागवानी विशेष कर सेब जनक के तौर पर हमेशा याद रखे जाएंगे। उन्होंने जो सेब का पौधा प्रदेश में रोपा था, आज उसकी संख्या लाखों में हो गई है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सेब की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज देश मे ही नही पूरे विश्व में प्रदेश के सेब की गुणवत्ता अपना एक विशेष महत्व रखती है। राठौर ने कहा कि सत्यानंद स्टॉक्स ने बागवानी के क्षेत्र में हिमाचल की जो विशेष पहचान बनवाई, यह प्रदेश विशेष कर सेब उत्पादक उनके हमेशा ऋणी रहेंगे। सत्यानंद स्टॉक्स ने न केवल अपनी ज़िन्दगी भारत में बिताई बल्कि अंग्रेज़ों के विरुद्ध भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। सत्यानंद स्टॉक्स जो गरीबों के हितों के रखवाले थे और भारतीय स्वतंत्रता सेनानी के रूप में हमेशा याद रखे जाएंगे।
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने लोगों से आह्वान किया है कि वह अपने क्षेत्र के विकास में अपनी भूमिका यथावत जारी रखें। उन्होंने कहा कि विकास की कोई सीमा नही होती, दैनिक जरूरतों के अनुसार यह भी बढ़ती रहती है। स्वत्रंता की 75वीं वर्षगांठ पर आयोजित गांव गनेवग नेहरा पंचायत के बाइचडी में ध्वजारोहण करने के बाद सभा को सम्बोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने लोगों को इस राष्ट्रीय पर्व की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन उन लोगों को याद करने का है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर इस देश को विदेशी हकूमत से आजाद करवाया था।उन्होंने कहा कि हमें इस आजदी के साथ देश की एकता और अखंडता को बनाये रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस के प्रयासों से ही आधुनिक भारत का निर्माण हुआ।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में उनके पिता स्व.वीरभद्र सिंह ने आधुनिक हिमाचल का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि भले ही आज वह हम सब लोगों को छोड़ कर इस दुनियां से चले गए है पर उनके कार्य और उनके आदर्श आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत है और हमेशा रहेंगे। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र उनका घर है। यहां का दुखदर्द देखना उनका पहला कार्य है। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि वह अपने इस चुनाव क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाए। इसके लिए वह इस क्षेत्र में लोगों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिमला के उपनगर चक्कर, टुटू से लेकर घनाहट्टी, 16 मील, धामी, सुन्नी, बसंतपुर व इस क्षेत्र में पड़ने वाली सभी ग्राम पंचायतों में शहरों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाएं देने के साथ साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को पूरा किया गया है। इस दौरान विक्रमादित्य सिंह ने इस क्षेत्र की पंचायत में मांग के अनुसार विकास कार्यो के लिए विधायक निधि से लगभग 12 लाख रुपए की राशि स्वीकृति की। इस अवसर पर उनके साथ ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रभा वर्मा, पंचायत प्रधान सुमन शर्मा, उप प्रधान राजकुमार, पंचायत समिति सदस्य प्रेम शर्मा एवं अन्य सदस्यों ने राजेश शर्मा, देवेंद्र ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, निर्मला वर्मा, किरण शर्मा, भूपेंद्र शर्मा, विक्रम ठाकुर, संतोष शर्मा, राहुल कश्यप, प्यारे लाल वर्मा व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामवासी उपस्थित थे।
स्वतंत्रता दिवस की 75 वर्षगांठ आजादी का अमृत महोत्सव' के अवसर पर कृष्ण कला फाउंडेशन दिल्ली द्वारा अमृत कला महोत्सव कत्थक नृत्य का आयोजन गुगल मीट के माध्यम से किया गया। जिसमें देश के जाने माने कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दी। जिसमें सर्वप्रथम कविता पाठ का आयोजन किया गया। कविता पाठ में रविन्द्र सिंह अरोड़ा, अलका मिश्रा, जगदीश मीणा, दानिश मोहमद्द, कुसुम, खुशबू ने देश भक्ति की कविताएं सुनाई जो देश भक्ति से ओत-प्रोत थी। आगे कत्थक नृत्य की कड़ी में सबसे पहले पवन कुमार थिरकन नृत्यशाला शिमला के कलाकार व सहायक आचार्य कत्थक नृत्य (जवाहर लाल नेहरू ललित कला महाविद्यालय शिमला) ने तीन ताल में अपनी कत्थक नृत्य की प्रस्तुति दी व खूब तालियां बटोरी तथा उनसे शिष्यों (अविरल, मीनाक्षी, उज्वला व रुबीना) ने माखनलाल चतुर्वेद की कविता पुष्प की अभिलाषा पर आधारित संरचना पर नृत्य प्रस्तुत किया और अपनी कला का लोहा मनवाया। तत्पश्चात देश के विभिन्न क्षेत्रों के कलाकारों ने इस अवसर पर अपनी प्रस्तुतियां दी। प्रदेश व देश के बड़े कलाकारों ने इस अवसर पर अपनी हाजरी दर्ज की। कृष्ण कला फाउंडेशन अध्यक्षा अनु सिन्हा ने अंत में सभी कलाकारों का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गत दिवस 75वें स्वतंत्रता दिवस को उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए प्रदेश भर के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और गुमनाम नायकों को सम्मान देने का अवसर प्रदान करता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। जयराम ठाकुर ने लोगों द्वारा अपने घरों, गांवों और कार्यस्थलों में झण्डा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और उनके द्वारा किए गए आह्वान को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
उपमंडल चौपाल के एनएच फेडीज गुमा मार्ग पर बीती रात लगभग 11:00 बजे के आसपास एक पिकअप संख्या एचपी 08a3697 जोकि टिकरी से सहारनपुर सेब लेकर जा रही थी। पिकअप अचानक घुमा के पास बैक होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में गिरकर तौंस नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि इस पिकअप में 3 लोग सवार थे, जिसमें से दो व्यक्ति पानी का तेज बहाव के होने के कारण अभी भी लापता है। थाना प्रभारी नेरवा रविंद्र शर्मा अपनी टीम सहित रात को ही घटनास्थल पर पहुंच गए थे। जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई है वहां पर जाना असंभव था। बड़ी मशक्कत के बाद घटना स्थल पर पहुंच का बचाव कार्य किया गया। एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने कहा है कि एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि बालक राम का शव नदी के किनारे रेत के ऊपर पड़ा हुआ मिला है। गाड़ी काअभी तक कोई पता नहीं लग रहा है।
जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में कम वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने के लिए विभाग द्वारा 41 ट्रांसफार्मर के साथ 38.4 किलोमीटर लम्बी एचटी लाईन एवं 69.77 किलोमीटर लम्बी एलटी लाईन का विस्तार किया जा रहा है। यह विचार आज बहुउद्देशीय एवं ऊर्जा तथा गैर पारम्परिक ऊर्जा स्त्रोत मंत्री सुखराम चैधरी ने जुब्बल क्षेत्र की पंचायत बढ़ाल के ग्राम सराहना, ग्राम पंचायत बरथाटा के डटोड तथा ग्राम पंचायत कठासु एवं ग्राम पंचायत धार में लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत व्यक्त किए। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनने के उपरांत अधिकतर समस्याओं का मौके पर निपटारा किया तथा शेष समस्याओं को संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा इस विधानसभा क्षेत्र की जनता को ट्राॅमा सेंटर, दो उपमण्डल कार्यालय तथा कोटखाई में खण्ड विकास कार्यालय एवं टिक्कर में अग्निश्मन केन्द्र समर्पित किए है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में जो कद स्वर्गीय नरेन्द्र बरागटा का था, उस कद को राजनीति में बनाने में बड़ा समय लगता है और उनके द्वारा अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की धारा को लोगों को समर्पित किया है, वो अपने आप में एक उल्लेखनीय योगदान है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय नरेन्द्र बरागटा ने अपने क्षेत्र की जनता के लिए लड़ाई लड़ी है और आज हमारे द्वारा जिन विकासात्मक कार्यों का उद्घाटन किए जा रहे है, यह सारे कार्य उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अरूण फाल्टा, जिला महासु युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकुश चौहान, पूर्व मण्डलाध्यक्ष जगदीश चौहान, जुब्बल-कोटखाई मण्डल सचिव यशपाल शर्मा, पंचायत समिति सदस्य मीनाक्षी तांटा, पूर्व मण्डलाध्यक्ष लायक राम चौहान, कठासु की प्रधान गीता नाश्टा, उपमण्डलाधिकारी रोहडू सुरेन्द्र ठाकुर, अधीक्षण अभियंता विद्युत सूर्यकांत, बीडीओ जुब्बल-कोटखाई कर्ण सिंह, अधिशाषी अभियंता विद्युत, लोक निर्माण विभाग तथा आईपीएच एवं विभिन्न विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
विश्व संवाद केंद्र शिमला द्वारा शिमला के तारादेवी स्थित टाॅप गियर के समीप वन क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश में लगातार बढ़ती प्राकृतिक आपदाओं के शमन के लिए धार्मिक रीति से प्रार्थना की गई। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने प्रकृति-संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए पौधारोपण प्रारम्भ किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डाॅ0 ओमेश भारती जबकि मुख्यअतिथि के रूप में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में अतिरिक्त निदेशकआरती गुप्ता उपस्थित रहे। टाॅपगियर के आस-पास की जगहों पर 12 पौधे देवदार, 30 बान, 20 अखरोट, 2 चिनार, 6 कनोर के पौधे लगाये गए। इसमें जंगली जानवरों के लिए फल प्रदान करने के लिए ही कनोर के पेड़ को प्राथमिकता प्रदान की गयी थी। पौधारोपण कार्यक्रम में आरएसएस के प्रांत प्रचार प्रमुख महीधर प्रसाद, सह प्रांत प्रचार प्रमुख मोतीलाल, क्योंथल पंचायत के रामपुरी वार्ड सदस्य अरूण शर्मा, प्रैसक्लब शिमला के अध्यक्ष अनिल भारद्वाज सहित पत्रकारों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साह से पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता विक्रांत शर्मा ने अपनी नियुक्ति के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, रोहित ठाकुर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव पूर्व विधायक जुब्बल कोटखाई नावर विधानसभा क्षेत्र, हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी, हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी अमरप्रीत लाली, सह-प्रभारी दामन बजवा, राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के सह सचिव प्रदीप सूर्य, हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा की वह इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी व निष्ठा से निभाएंगे। साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश व पूरे भारतवर्ष को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।
तिरंगा ही लहराया था, तिरंगा ही लहराएगा। यह बात शुक्रवार को शहरी, विकास, आवास, नगर नियोजन, संसदीय कार्य एवं सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने लोअर बाजार, गंज बाजार तथा सब्जी मण्डी के सभी दुकानदारों को तिरंगा ध्वज वितरण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री, समस्त मंत्रियों, विधायकों तथा मीडिया कर्मियों को रिकाॅर्डिड संदेश के दौरान 15 अगस्त का उत्सव न मनाने के संदेश दिए जा रहे हैं, उन सभी शत्रुओं को विधानसभा मंत्रियों तथा विधायकों द्वारा एकजुट होकर झण्डा लहराते हुए संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि जिला में रह रहे सभी शहरी तथा ग्रामीणों के लोग 75वीं वर्षगांठ के अमृत महोत्सव व स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर को हर्षोल्लास से मनाएं। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक इस झण्डा उत्सव को 15 अगस्त, 2021 को अमृत महोत्सव के दौरान अपने-अपने घरों में झण्डा लहराते हुए मनाएं। उन्होंने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गुजरात के अहमदाबाद से हरी झंडी दिखाकर आरम्भ किया गया है। यह उत्सव सम्पूर्ण राष्ट्र में 15 अगस्त, 2023 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे देश का भविष्य गौरवान्वित, समृद्धि, ऐतिहासिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का अथाह भण्डार है तथा जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है, उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को हम नमन करते हैं और हम प्रदेश की युवा पीढ़ी को भी यह संदेश देना चाहते है कि देश के लिए जिन-जिन लोगों ने अपनी कुर्बानी दी है, उन्हें उनके बारे मंे जागरूक होना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस अमृत महोत्सव का मुख्य उद्देश्य उन वीर सैनिकों तथा स्वतंत्रता सेनानियों को याद करना है जिन्होंने देश की अखण्डता तथा एकता के लिए अपनी जान न्यौछावर कर दी। उन्होंने शिमला शहर के सभी वार्डों के लिए तिरंगा टोलियों को भी रवाना किया, जो 15 अगस्त को सभी वार्डों में तिरंगा झण्डा लगवाएगी। इस अवसर पर नगर निगम शिमला महापौर सत्या कौंडल, मण्डलाध्यक्ष राजेश शारदा, महामंत्री सुशील चौहान, जिला किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव चौहान, जिला उपाध्यक्ष शिमला संजय कालिया, युवा मोर्चा अध्यक्ष हितेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष सन्नी लखनपाल, तरूण राणा, योगेन्द्र पुंडिर, भाजपा युवा मोर्चा उपाध्यक्ष किशोर ठाकुर तथा भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन ने सरकार से मांग की है कि अनुबंध कर्मचारियों के नियमितीकरण हेतु 3 साल की अवधि को घटाकर 2 वर्ष किया जाए। इस संबंध में संगठन मुख्यमंत्री, मंत्रियों तथा मुख्य सचिव से कई बार मिल चुका है। अप्रैल 2021 में भी संगठन मुख्यमंत्री से मिला था तथा संगठन को मुख्यमंत्री द्वारा आश्वस्त किया गया था कि सितंबर तक इस पर उचित निर्णय लिया जाएगा। संगठन की सरकार से यह मांग है कि 15 अगस्त को अनुबंध की अवधि को 3 साल से घटाकर 2 साल की घोषणा कर दी जाए जो कि अनुबंध कर्मचारियों के लिए स्वतंत्रता दिवस पर एक बहुत बड़ा तोहफा होगा। यदि इस साल अनुबंध की अवधि 3 साल से घटाकर 2 साल की जाती है तो उसका लाभ निश्चित तौर पर कर्मचारियों को होगा, परंतु यदि सरकार इस अवधि को अगले वर्ष कम करती है तो इसका लाभ बहुत ही कम कर्मचारियों को होगा क्योंकि वर्ष 2020 में बहुत कम भर्तियां कर्मचारी अनुबंध पर हुई है तथा अगले वर्ष तक अनुबंध पर लगे कर्मचारियों की अवधि भी लगभग 3 वर्ष पूर्ण हो जाएगी व इसका कोई विशेष लाभ कर्मचारियों को नहीं होगा। संगठन का यह भी कहना है कि यदि सरकार 15 अगस्त को देय महंगाई भत्ता जारी करने की घोषणा करती है तो यह भी हिमाचल प्रदेश के समस्त कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस का बहुत बड़ा तोहफा होगा।
शिमला : भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की चार्जशीट कमेटी ने राठौर से भेंट कर इसके प्रारूप पर की चर्चा
भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस की चार्जशीट कमेटी ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से भेंट कर इसके प्रारूप के बारे में चर्चा की। चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष राजेश धर्माणी, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष बुटेल, विनोद सुल्तानपुरी व बुद्धि सिंह ठाकुर भी इस चर्चा में मौजूद रहें। धर्माणी ने बैठक में बताया कि प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ बनाई जाने वाली चार्जशीट पूरी तरह तथ्यों के आधार पर सरकार की विफलताओं के साथ साथ भ्रष्टाचार पर आधारित होगी। इसके लिए सभी कांग्रेस विधायकों, जिलाध्यक्षों, ब्लॉक अध्यक्षों से उनके क्षेत्रो में भाजपा नेताओं द्वारा किये गए भ्रष्टाचार और काले कारनामों की पूरी जानकारी जुटा कर कमेटी को देने को कहा जायेगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश के आम लोगों से भी सरकार के खिलाफ शिकायतों की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ चार्जशीट में भाजपा सरकार के काले कारनामों का पूरा चिठा लोगों के सामने आना चाहिए। इसके बाद चार्जशीट कमेटी ने विधानसभा परिसर में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री से भेंट कर भाजपा सरकार के खिलाफ बनाई जाने वाली चार्जशीट के बारे में आपसी विचार विमर्श करते हुए इसके प्रारूप पर आपसी चर्चा की।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को अंगदान दिवस के अवसर पर गिविंग लाइफ ऑफर डेथ-द हीरोज ऑफ हिमाचल प्रदेश पुस्तिका का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने इस पुस्तिका के प्रकाशन के लिए लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि पीडि़त मानवता की सेवा के लिए अधिक से अधिक लोग अंगदान के लिए आगे आएगें। इस पुस्तक को डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा के एसोसिएट प्रोफेसर सर्जरी डाॅ. राकेश चैहान और पीजीआई चंडीगढ़ में रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी विभाग के प्रमुख व प्रोफेसर डाॅ. आशीष शर्मा ने लिखा है।सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डाॅ. राम लाल मारकण्डा और निदेशक चिकित्सा शिक्षा डाॅ.रजनीश पठानिया भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रदेश के ऊना जिले में 500 करोड़ रुपये के एपीआई आधारित फरमंटेशन उत्पादन संयंत्र के लिए वीरवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उपस्थिति में राज्य सरकार और मैसर्ज कानकाॅर्ड बायोटेक लिमिटेड के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति ने राज्य सरकार और कानकाॅर्ड बायोटेक लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक सुधीर वैद ने कंपनी की ओर से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। परियोजना की स्थापना एपीआई पार्क और उसके आसपास के क्षेत्रों में तीन चरणों में 500 करोड़ रुपये के निवेश के साथ की जाएगी जिसमें 1000 व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त होगा। इस परियोजना की निर्यात क्षमता लगभग 60-65 प्रतिशत होगी। इकाई दो वर्षों में चालू हो जाएगी और क्षेत्र में सामाजिक-आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगी। सरकार ने आवश्यक अनुमति और अनुमोदन प्राप्त करने के लिए कंपनी को पूर्ण समर्थन देने की प्रतिबद्धता जताई है। कानकाॅर्ड बायोटेक भारत की अग्रणी एकीकृत जैव प्रौद्योगिकी कंपनी है जो इम्यूनोसप्रेसेन्ट, ऑन्कोलॉजी, एंटी-इनफेक्टिव (जीवाणुरोधी और एंटिफंगल), एंजाइम आदि पर केंद्रित उच्च गुणवत्ता वाले फरमंटेशन-आधारित बायो-फार्मा एपीआई का निर्माण करती है। यह दुनिया में इम्यूनोसप्रेसेन्ट एपीआई के सबसे बड़े आपूर्तिकर्ताओं में से एक है और 20 से अधिक फरमंटेशन आधारित एपीआई की पेशकश करने वाली एकमात्र भारतीय कंपनी है। इस अवसर पर उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह और अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग आरडी धीमान, अतिरिक्त निदेशक उद्योग तिलक राज शर्मा, संयुक्त निदेशक उद्योग नरेश शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में वीरवार को आयोजित राज्य एकल खिड़की स्वीकृति एवं अनुश्रवण प्राधिकरण की 18वीं बैठक में नए औद्योगिक उद्यम स्थापित करने और वर्तमान इकाइयों के विस्तार 19 परियोजना प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। इन प्रस्तावों पर लगभग 4126.23 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और लगभग 5107 व्यक्तियों को रोजगार मिलेगा। इससे यह प्रदर्शित होता है कि आर्थिक मन्दी के बावजूद राज्य निवेश को निरंतर आकर्षित कर रहा है। प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत प्रस्तावों में बल्क ड्रग्ज और इनके फार्मूलेशन व बायोटैक उत्पाद इत्यादि का निर्माण करने के लिए मै. मोरपेन बायोटैक लि. बद्दी, जिला सोलन, एयर कण्डीशनर, कलीन रूम, इलैक्ट्रीकल पैनल इत्यादि का निर्माण करने के लिए मै. एनईएमआर इन्ड्रस्ट्रीज प्राइवेट लि. नालागढ़, जिला सोलन, पूनर्चक्रण टैक्सटाइल फाइवर निर्माण के लिए मै. वर्धमान रिनोवा (वर्धमान टैक्सटाइल लि. की इकाई), बद्दी जिला सोलन, टैबलेट्स, कैप्सूल, इन्जैक्शन आदि के निर्माण के लिए मै. क्वालिटी फार्मास्यूटीकल लि. औद्योगिक क्षेत्र राजा का बाग जिला कांगड़ा, बांस की प्लाई के निर्माण के लिए मै. अनाग्राम सिस्टमज, औद्योगिक क्षेत्र चनौर, जिला कांगड़ा, आरटिलरी एमूनिशन आदि के निर्माण के लिए मै. एसएमपीपी प्राइवेट लि. नालागढ़, जिला सोलन, एम्पटी ग्लास एम्पोयूल्ज, वायल निर्माण के लिए मै. श्री नैना ग्लास इंक, बद्दी, जिला सोलन, सेफ्टी रेजर ब्लेड और सम्बध उत्पादों के निर्माण के लिए मै. सवारिया फियूचर वर्कस लि. औद्योगिक क्षेत्र अम्ब, जिला ऊना और इथेनाॅल, पोटेबल अल्कोहल, डीडीजीएस, कार्बन डाइऑक्साइड, ऐना आदि के निर्माण के मै. जय ज्वाला बायोफ्यूल इन्ड्रस्ट्रीज गांव किरपालपुर नालागढ़, जिला सोलन के प्रस्तावों को अनुमति प्रदान की। प्राधिकरण ने जिन नए परियोजना प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की है उनमें टैबलेटस, कैप्सूल और तरल पदार्थ आदि के निर्माण के लिए मैसर्ज लाईफ विज़न हैल्थकेयर, ईपीआईपी चरण-1 झाड़माजरी बद्दी जिला सोलन, एमएस फिटिंग और फिक्सचर, फार्मा डिसइनफेक्टेड स्प्रे, सेनिटाइजर, काॅस्मेटिक उत्पाद आदि के निर्माण के लिए मैसर्ज पोटिका एरोटैक लिमिटेड गांव जोहरोन, पांवटा साहिब जिला सिरमौर, एमएस इनगोट्स, एमएस बार/एमएस फ्लैट/ चैनल/एंगल आदि के निर्माण के लिए मैसर्ज अम्बिका अलवायज, आई.ए. काला अम्ब जिला सिरमौर, एम.एस. बिलेट्स, एम.एस./टी.एम.टी. बारज के निर्माण के लिए मैसर्ज सबू टोर प्राइवेट लिमिटेड युनिट-1, काला अम्ब जिला सिरमौर, पाॅलिएस्टर यार्न के निर्माण के लिए मैसर्ज हिमटेक्स टेक्सटाइल्ज प्राइवेट लिमिटेड, गांव नंगल, सलंगरी जिला ऊना और एम.एस. बिलेट, टी.एम.टी. बार, चैनल और अन्य लौह उत्पादों के निर्माण के लिए मैसर्ज प्राइम स्टील इन्डसट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, गांव बटेड़, बद्दी जिला सोलन शामिल हैं। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. धीमान और जे.सी. शर्मा, प्रधान सचिव के.के. पंत, सचिव विकास लाबरू, निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति, प्रबन्ध निदेशक हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड (एचपीएसईबीएल) आर.के. शर्मा, हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव अपूर्व देवगन व अन्य अधिकारियों ने बैठक में भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने कर्मचारियों को लंबित मंहगाई भत्ते की किश्त जारी करने को आवाज बुलंद की है। महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर, महामंत्री राजेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुमन बन्यालव, सोनिया डडवाल और कोषाध्यक्ष लोभी राम ने सरकार से मांग की है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कर्मचारियों को एक जनवरी 2020 से एक जुलाई 2021 तक लंबित मंहगाई भत्ते की किश्त जारी की जाए। इससे प्रदेश के 2.50 लाख कर्मचारियों व 1.25 लाख पैंशनरों को लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने कर्मचारियों के ज्वलंत मामले जैसे अनुबंध कार्यकाल को तीन वर्ष से दो वर्ष करना, केंद्र सरकार की पुरानी पेंशन बारे 2009 की अधिसूचना को प्रदेश मे लागू करना व नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता प्रदान करना व वेतन विसंगतियों को दूर करने की भी मांग उठाई है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हालांकि महासंघ द्वारा 26 सूत्रीय मांगपत्र सरकार को प्रस्तुत कर दिया है ताकि जेसीसी की बैठक शीघ्र बुलाई जा सके, लेकिन अभी तक कुछ विभागीय यूनियनों की मांगे आना शेष है। विभागीय संगठनों से आहवाहन किया है कि वे शीघ्र ही अपने मांग पत्र महासंघ को प्रेषित करें। उन्होंने उम्मीद जाहिर की है कि कर्मचारी हितैषी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अवश्य ही स्वतंत्रता दिवस पर कर्मचारियों को तोहफा प्रदान करेंगे। महासंघ के अध्यक्ष अश्वनी ठाकुर ने कहा कि महासंघ ने अपना 26 सूत्रीय मांग पत्र सरकार को प्रेषित कर दिया है ताकि जेसीसी की बैठक की तिथि निर्धारित की जा सके। जिसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अधिकारियों को आदेश दे दिए हैं। कर्मचारी नेताओं ने विभिन्न संगठनों, विभागीय व समस्त जिला इकाइयों द्वारा महासंघ को समर्थन देने के लिए भी आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को आश्वस्त किया है की उनके हितों कि रक्षा की जाएगी और समय-समय पर सरकार के समक्ष सभी मुद्दों को हल करवाने हेतु महासंघ प्रयासरत रहेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश में आपदा प्रबंधन को पूरी तरह असफल बताते हुए कहा है कि सरकार और आपदा प्रबंधन के बीच कोई भी तालमेल नही है। भारी बारिश के चलते, बादल फटने व बाढ़ से निपटने के कोई भी पुख्ता इंतजाम न तो सरकार के पास ही है और न ही आपदा प्रबंधन के पास कोई उपाय। प्रदेश में आपदा प्रबंधन सफेद हाथी साबित हो रहा है, जिसपर सरकार हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च करती है। किन्नौर जिला के निगुलसेरी के पहाड़ दरकने से हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कुलदीप राठौर ने कहा कि आये दिनों भारी बारिश के चलते पहाड़ दरक कर सड़कों में गिर रहें है। पिछले दिनों सिरमौर में भी ऐसी ही पहाड़ी दरकी पर गनीमत रही कि वहां जानमाल को कोई नुकसान नही हुआ पर किन्नौर के निगुलसरी में हुए इस हादसे में अभी तक 14 लोगों की मृत्यु बहुत ही दुखद है। उन्होंने इस हादसे में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मओं की शांति की प्रार्थना भगवान से की है। उन्होंने कहा कि लोकनिर्माण विभाग समय समय पर सड़कों के आसपास, विशेष तौर पर जहां पहाड़ो से मलवा नीचे आ रहा होता है या सड़क धस रही होती है वहां उसे मार्क कर खतरे के प्रति आगह किया जाता है, पर अब ऐसा नही किया जा रहा है। उन्होंने इस दुर्घटना के लिये पूरी तरह लोकनिर्माण विभाग की कार्यप्रणाली को दोषी ठहराया है। राठौर ने कहा कि निगुलसेरी में यह दुर्घटना दोपहर 12.30 बजे होती है पर जिला प्रशासन का आपदा बल की मशीनरी घटनास्थल पर 5 बजे के बाद पंहुचती है, जबकि आईटीबीपी और एनडीआरएफ के जाबाज़ जवानों ने राहत कार्यो को पूरी ततपरता से किया। राठौर ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश में भारी बारिश से हुए नुकसान का तुरंत आकलन किया जाना चाहिए और प्रभावित लोगों को उनके नुकसान की भरपाई भी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस बरसात में सड़कों और पुलों को भारी नुकसान पहुंचा है, इसके पुनः निर्माण के लिये केंद्र से विशेष आर्थिक मदद की मांग की जानी चाहिए।
• चारों संसदीय क्षेत्रों से होते हुए 8 जिला, लगभग 37 विधान सभा क्षेत्रों से गुजरेगी यात्रा • प्रदेश के शक्तिपीठों में भी करेंगे दर्शन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में विस्तार करते हुए 43 नए मंत्री बनाए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार ये सभी मंत्री अपने-अपने राज्यों में जन आशीर्वाद यात्रा के माध्यम से जनता से मिलेंगे और केंद्र व प्रदेश की नीतियों को जन जन तक पहुचाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर तरूण चुघ इस जन आशीर्वाद यात्रा के संयोजक है। हिमाचल प्रदेश में इस यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल को संयोजक, प्रदेश सचिव पायल वैद्य, कुसुम सदरेट, वीरेन्द्र चैधरी तथा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुमित शर्मा को सह संयोजक बनाया गया है। सुरेश कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह जन आशीर्वाद यात्रा 212 लोकसभा क्षेत्रों, 19 प्रदेशों, 265 जिलों से होते हुए 19567 कि0मी0 की यात्रा तय करेगी और 1663 कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होनें कहा कि हिमाचल प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा 19 अगस्त से शुरू होकर 23 अगस्त, 2021 तक लगातार 5 दिनों तक चलेगी। 19 अगस्त, 2021 को अनुराग ठाकुर का परवाणू में भव्य स्वागत किया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में यह यात्रा चारों संसदीय क्षेत्रों से होते हुए 8 जिला, लगभग 37 विधान सभा क्षेत्रों से गुजरेगी और 650 कि0मी0 तय करेगी तथा लगभग 90 कार्यक्रम किए जाएंगे। पहले दिन यह यात्रा शिमला संसदीय क्षेत्र से शुरू होगी, दूसरे दिन शिमला से बिलापुर होते होते हुए मण्डी संसदीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी, तीसरे दिन मण्डी से कांगड़ा संसदीय क्षेत्र तथा चौथे दिन यह यात्रा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में प्रवेश करेगी और पांचवे दिन हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में ही इस यात्रा का समापन होगा। इस दौरान अनुराग ठाकुर अलग-अलग जगह जनता को सम्बोधित भी करेंगे और प्रदेश के शक्तिपीठों में दर्शन भी करेंगे। सुरेश कश्यप ने कहा कि जहां-जहां से भी यह यात्रा निकलेगी वहां के 2017 के प्रत्याशी, पार्टी के सभी प्रदेश से मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय मंत्री, विधायक, महापौर, उपमहापौर, जिला परिषदों, नगर परिषदों, नगर पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा चुने हुए जनप्रतिनिधि इस यात्रा के उपस्थित रहेंगे। उन्होनें कहा कि वे स्वयं भी इस यात्रा में उपस्थित रहेंगे।
निदेशक, भाषा एवं संस्कृति विभाग डाॅ. पंकज ललित ने वीरवार को जानकारी देते हुए बताया कि 14 अगस्त, 2021 को आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत मनाए जा रहे कार्यक्रमों की कड़ी में राज्य स्तरीय बहुभाषी कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के लगभग 30 साहित्यकार भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनता को अपने गौरवमयी इतिहास की जानकारी प्रदान करना तथा देश को आजादी दिलाने के लिए शहीद हुए वीर क्रांतिकारियों के बलिदान का स्मरण करवाना है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा इस तरह के अनेकों साहित्यिक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी के साथ उपमण्डलाधिकारी शिमला शहरी मंजीत शर्मा ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव व स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ को सभी हर्षोल्लास एवं राष्ट्रीय भावों से भरपूर भावना के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि उपमण्डल के नागरिक इस दिवस के उपलक्ष्य पर राष्ट्र गान गा कर देश भक्ति की भावना को उजागर करें तथा प्रतिभागी राष्ट्र गान गाते हुए अपनी वीडियो बनाकर http://rastragaan.in पर अपलोड कर वहां से अपना प्रमाण पत्र भी डाउनलोड करें। उन्होंने बताया कि वीडियो को उप निदेशक भाषा एवं संस्कृति के व्हट्सऐप नम्बर 78070-00075 पर भेजें, जिसे मंत्रालय द्वारा 15 अगस्त को लाईव दिखाया जाएगा।
स्वच्छ हिमाचल, स्वस्थ हिमाचल अभियान के अंतर्गत जिला पर्यटन विभाग द्वारा शिमला नगर के साथ लगते कोटी व नालदेहरा में स्वच्छता अभियान के तहत सफाई व कूड़ा-कर्कट इक्ट्ठा करने का कार्य किया गया। यह जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी जीडी काल्टा ने वीरवार को दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान में जिला पर्यटन विभाग के कर्मचारियों के अतिरिक्त कोटी रिजोर्ट, होटल निकाया, होटल हिल्क रेस्ट, होटल हीडन जेम, होटल ड्रिम व्यू और शर्मा होम स्टे के प्रबंधकों एवं लगभग 40 कर्मचारियों ने स्वच्छता कार्य कर अभियान को सफल बनाया। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त, 2021 तक चलने वाले इस अभियान में निरंतर रूप से स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है और शिमला नगर व आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ किया जा रहा है। इस अवसर पर होटल निरीक्षक दलीप ठाकुर भी उपस्थित थे।
राज्य सरकार के दिशा-निर्देशानुसार वीरवार को राज्य कर एवं उत्पाद शुल्क मुख्यालय के साथ-साथ क्षेत्रीय कार्यालयों में भी स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह जानकारी वीरवार को आयुक्त राज्य कर एवं उत्पाद शुल्क युनूस ने दी। उन्होंने बताया कि यह स्वच्छता अभियान स्वतंत्रता दिवस के 75वें वर्षगांठ के अवसर पर स्वच्छ हिमाचल अभियान के अंतर्गत चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर विभाग के कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई तथा कार्यक्रम के दौरान प्लास्टिक संग्रह, शौचालय की सफाई, कार्यालय परिसर की सफाई, आसपास की नालियां आदि विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई।
हिमाचल प्रदेश विभागीय बोर्ड के एक प्रवक्ता ने वीरवार को जानकारी दी कि कोविड-19 के कारण स्थगित की गई विभागीय परीक्षाओं का आयोजन अब 13 से 21 सितम्बर, 2021 तक करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभ्यार्थियों को विभागीय परीक्षा केन्द्र में प्रवेश करते समय केन्द्रीय अधिकारियों के समक्ष कोविड-19 महामारी के टीकाकरण का प्रमाण पत्र या 71 घण्टे पूर्व आरटीपीसीआर नेगटिव रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा, भारतीय वन सेवा, हिमाचल प्रदेश वन सेवा, तहसीलदार व नायब तहसीलदार, राज्य में कार्यरत अन्य समस्त राजपत्रित अधिकारी, पात्र अराजपत्रित अधिकारी (अधीक्षक ग्रेड-प्प् व वरिष्ठ सहायक) तथा आबकारी एवं कराधान विभाग के निरीक्षकों, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के राजपत्रित अधिकारी, पात्र अराजपत्रित अधिकारी, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अभियन्ताओं व हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के वरिष्ठ प्रबन्धकों/सहायक अभियन्ताओं के लिए निर्धारित डेटशीट के अनुसार परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। प्रवक्ता ने कहा कि पेपर नम्बर-1 (वित्तीय प्रशासन) में उपस्थित होने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला, राजकीय (कन्या) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मण्डी और राजकीय महाविद्यालय, संजौली, शिमला में परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं राजकीय महाविद्यालय संजौली, शिमला में आयोजित की जाएंगी। अभ्यार्थियों को कोरोना महामारी से बचाव के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य और गृह मंत्रालय द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना भी अनिवार्य होगा।
वीरवार को कोटखाई मे स्वच्छता अभियान चलाया गया जिसके तहत कोटखाई के वार्ड नंबर 2 में सफाई की गई। इसके तहत वार्ड 2 में प्लास्टिक इकठ्ठा किया गया तथा भाँग उखाड़ी गई। कोटखाई में चल रहा सफाई अभियान, वन विभाग फायर ब्रिगेड, नगर पंचायत, हिमाचल पुलिस, राजस्व विभाग, मानव सेवा संस्थान, थिंक द बिग ग्रुप, कोटखाई 09 ग्रुप द्वारा आयोजित किया गया। नायब तहसीलदार कोटखाई मोहनलाल महंत ने कहा कि सभी का एकजुट होकर सफाई कार्य में एकत्रित होना एक अच्छा संदेश देता है। वही भांग को नष्ट किया गया है जो एक बहुत बेहतरीन कदम है।
किन्नौर हादसे में अब तक 14 लोगों के शव निकाले गए है, जबकि घायलों को मलबे से निकालने का कार्य जारी है। 60 लोगों की टीम राहत कार्य में जुटी है, वीरवार सुबह शुरू हुए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बस को भी ढूंढ निकाल दिया गया है। हालांकि पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन को रोका गया है। ड्रोन की मदद से हादसे में लापता हुए लोगों की तलाश जारी है। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी हेलिकॉप्टर से घटना स्थल का दौरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्च ऑपरेशन में एनडीआरफ व अन्य दल लगे हैं। बस को सुबह ढूंढ निकाला है। बस में सवार सभी को ढूंढने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौसम के चलते पिछले कल सर्च ऑपरेशन में रुकावट आई थी अभी भी पत्थर गिर रहे हैं जिसके चलते ऑपेरशन में रुकावट आई है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवार को 4 लाख व घायलों को 50 हजार देने की घोषणा की है। वन्ही आईटीबीपी अधिकारी का कहना है कि अभी सर्च ऑपरेशन को रोका गया है। सीएम को हर पहलू से अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि सर्च ऑपेरशन में रुकावट आ रही है जिससे आपरेशन में काफी समय लग सकता है। बता दें कि बुधवार को किन्नौर के न्यूगलसरी में पहाड़ी दरकने से एचआरटीसी बस समेत 6 वाहन मलबे में दब गए थे। बताया जा रहा है कि मलबे में करीब 40 लोग फंसे हैं।
NSUI ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर मे बुधवार को काली पट्टियाँ बांध कर आज का दिन ब्लैक डे के रूप में मनाया और स्वर्गीय नासिर खान को श्रद्धांजलि दी, याद रहे की सात अगस्त 1988 को NSUI के छात्र नेता पर विश्वविद्यालय मे हमला हुआ था और 11 अगस्त को उनका देहांत हो गया, NSUI ने नासिर खान अमर रहे के नारे लगाकर विश्वविद्यालय में जमकर नारेबाजी भी की| NSUI विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रवीण मिन्हांस ने कहा की नासिर खान ने संगठन के लिए, NSUI व कांग्रेस विचारधारा के लिए कुर्बानी दी है। पूरे संगठन का एक एक कार्यकर्ता सदैव उनका ऋणी रहेगा। वह हम सब के आदर्श है जिन्होंने संगठन के लिए अपने प्राणो की आहुति दी है। आज की राजनीति के लिए वह आदर्श है जहा नेता अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए बिना सोचे समझे दलों को बदल देते है वही इस प्रकार का व्यक्तितव का संगठन के लिए प्रेम हम सब के लिए प्रेरणास्त्रोत है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष वीनू मेहता, राज्य महासचिव यासीन बट्ट, मोहित ठाकुर, प्रदेश सचिव रज़त राणा विश्वविद्यालय उपाध्यक्ष रजत भारद्वाज, अरविंद, डैनी पंगवाल, पवन नेगी, रुचि, अजीत रंचन, प्रवीण कंवर, राकेश सिंगटा ऋतिक आदि मौजूद रहे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने बुधवार को जिला लाहौल-स्पीति व जिला चम्बा के पांगी उप-मण्डल के पंचायती राज संस्थाओं के निकट भविष्य में सम्भावित सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत सम्बधित उपायुक्तों, राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी काजा एवं आवासीय आयुक्त पांगी के साथ वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से बातचीत की। अनिल खाची ने सभी प्रतिभागियों को आयोग द्वारा जारी मतदाता सूचियों के अद्यतन कार्य को गम्भीरतापूर्वक करने के निर्देश दिए ताकि मतदाता सूचियों में कोई त्रुटि न रहे। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग ने पूरे प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के रिक्त पदों पर भी जनजातीय क्षेत्रों के साथ ही निर्वाचन करवाने का निर्णय लिया है और रिक्त पड़े पदों पर मतदान सूचियों के अद्यतन का कार्य आरम्भ कर दिया गया है। उन्होंने आयोग द्वारा निर्वाचन की तैयारियों, कोविड-19 सम्बन्धी प्रोटोकाॅल व स्थिति, निर्वाचन सामग्री, मतपत्रों की उपलब्धता तथा सम्भावित मौसम की परिस्थितियों की भी समीक्षा की। सभी प्रतिभागियों ने जानकारी दी कि मतदाता सूचियों के अद्यतन का कार्य निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आरम्भ कर दिया गया है व उनके स्तर पर निर्वाचन की पूर्ण तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वे आयोग द्वारा निर्धारित किए जाने वाले कार्यक्रमानुसार निर्वाचन संपन्न करने के लिए तत्पर है।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बुधवार को जिला किन्नौर के निगुलसेरी के निकट हुई भारी भू-स्खलन की घटना पर शोक व्यक्त किया है, जिसमें कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार मलबे में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बचाने के लिए हर सम्भव प्रयास कर रही है तथा सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और भारतीय-तिब्बत सीमा बल की टीमें घटना स्थल पर बचाव अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि इस आपदा की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ है और उन्हें हर सम्भव सहायता प्रदान की जाएगी। राज्यपाल ने आशा व्यक्त की है कि मलबे में फंसे हुए सभी लोगों को शीघ्र सुरक्षित निकाल दिया जाएगा।
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी(मार्क्सवादी) की राज्य कमेटी किन्नौर के निगुलसरी में राष्ट्रीय उच्चमार्ग में भूस्खलन से हुए नुकसान पर दुख व्यक्त करती है तथा इस हादसे में मृतको के शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती है। यह हादसा बुधवार को दोपहर 12 बजे के करीब हुआ है और इसमे एक पथ परिवहन की बस जो किन्नौर के मूरँग से हरिद्वार जा रही थी दब गई है तथा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई व इसमें जो यात्री सफर कर रहे थे इनमें से अभी भी कई लापता हैं । इसके अतिरिक्त एक ट्रक व अन्य वाहन भी इसकी चपेट में आए हैं। अभी तक जो राहत कार्य किया गया है उसमें 10 शव बरामद किए गए हैं और 13 घायल लोगो को इससे निकाला गया है। अभी भी कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। सीपीएम मांग करती है कि सरकार द्वारा राहत कार्य में और तेजी लाई जाए। घटना स्थल पर राहत कार्य दोनो ओर से चलाया जाए। इस घटना में मृतकों के परिवारों व घायलों को तुरन्त राहत प्रदान व मुआवजा दिया जाए। किन्नौर व प्रदेश में भूस्खलन की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए इसको रोकने के लिए वैज्ञानिक आधार पर उचित कदम उठाये जाए। प्रदेश में चल रही विभिन्न पनविद्युत व अन्य परियोजनाओं के जो कार्य किये जा रहे हैं उनके निर्माण में सुरक्षा व इससे पर्यावरण के संरक्षण के लिए भी ठोस कदम उठाए जाए ताकि भविष्य इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जाए।
उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी रक्षा बंधन त्यौहार के मद्देनजर उपायुक्त कार्यालय परिसर में जिला के तीन विकास खण्डों से स्वयं सहायता समूह द्वारा राखियों का स्टाॅल लगाकर बिक्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत गठित स्वयं सहायता समूह पुष्प जोत, जय माता कृष्णा एवं प्रगति टुटू विकास खण्ड एवं शिव शक्ति, जय मां लक्ष्मी एवं जय डुम देवता विकास खण्ड बसन्तपुर से तथा उज्जवला स्वयं सहायता समूह विकास खण्ड मशोबरा ने भाग लिया है। इसमें लगभग 20 महिलाओं ने अपने उत्पादों की बिक्री की। उन्होंने बताया कि स्टाॅल में राखियों के अलावा मास्क, शिरा एवं अन्य हस्त शिल्प सामग्रियों की भी बिक्री की जा रही है। यह बिक्री केन्द्र 11 से 18 अगस्त, 2021 तक लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह द्वारा इस तरह की पहल आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर है। स्वयं सहायता समूह ललिता शर्मा, मीना, शशी, रंजिता, रीता, मनोरमा, मिनाक्षी, पुष्मा आदि शामिल है।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बुधवार को शिमला के समीप क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र क्रेगनेनो मशोबरा का दौरा किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह केन्द्र डाॅ. वाई.एस.परमार बागवानी एवं वाणिकी विश्वविद्यालय नौणी का एक महत्वपूर्ण संस्थान है, जहां सेब की विभिन्न किस्मों पर शोध कार्य किए जा रहे हैं, जो प्रशंसनीय है। उन्होंने विज्ञानियों को इस संस्थान में सेब की अधिक पैदावार वाली उत्तम किस्मों के विकास पर कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह केन्द्र शीतोष्ण बागवानी में शोध और तकनीक को स्थानांतरित करने मे महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्यपाल ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि प्रदेश में विशेषकर सेब उत्पादित क्षेत्रों में फल उत्पादकों को विभिन्न किस्मों की शोध का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च घनत्व, उच्च उत्पादन और रोग प्रतिरोधक सेब की किस्मों पर शोध कार्य किया जाना चाहिए ताकि प्रदेश की सेब आधारित आर्थिकी को मज़बूती मिले। उन्होंने सेब के लिए 276, नाशपाती की 79 और चैरी की 46 किस्मों वाले जर्मप्लाजमा केन्द्र पर सन्तोष व्यक्त करते हुए कहा कि बागवानी के सम्बन्ध में प्रशिक्षक, किसान, प्रशिक्षण और क्षेत्रों के दौरे से तकनीक को प्रयोगशाला से निकाल कर जमीनी स्तर पर स्थानांतरित करने पर विशेष बल दिया जाना चाहिए। आर्लेकर ने केन्द्र में स्थापित सेब बागीचे का दौरा किया और बागीचे में सेब की अच्छी पैदावार के लिए अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया और संस्थान के उचित रख-रखाव के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों को सराहा। उन्होंने सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती के अन्तर्गत लगाए गए सेब बागीचे और केन्द्र द्वारा लगाई गई फूलों की विभिन्न किस्मों का भी अवलोकन किया तथा विभिन्न पहल और शोध कार्यों की सराहना की। राज्यपाल ने केन्द्र परिसर में हिमालयन हाइपैरिकम के पौधे भी रोपित किए। इससे पूर्व, कुलपति डाॅ. परविन्दर कौशल ने राज्यपाल का स्वागत किया और पाॅवर प्वांइट प्रस्तुति के माध्यम से बागवानी विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान और विस्तार गतिविधियों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि यह संस्थान हिमाचल को भारत के सेब राज्य के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। फल उत्पादक इस केन्द्र के परमर्श और अन्य सलाह सेवाओं पर भरोसा कर बागवानी कार्यों में इनका उपयोग कर रहे हैं। क्षेत्रीय बागवानी शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान के सह-निदेशक डाॅ. पंकज गुप्ता ने केन्द्र के शोध कार्य और अन्य गतिविधियों का ब्यौरा दिया। निदेशक, शोध डाॅ. रविन्द्र शर्मा, वैज्ञानिक और अन्य शोधार्थी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से फोन पर बात की है और किन्नौर हादसे की जानकारी ली है, पीएम मोदी की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस हादसे को लेकर बात की है, गृह मंत्री ने ITBP के डीजी से बात कर तुरंत मदद पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। भजापा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा की हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भूस्खलन बेहद परेशान करने वाला है क्योंकि कई लोगों के फंसे होने की दुःखद खबर प्राप्त हुई है। बचाव कार्य के लिए ITBP की टीमों को लगाया गया है। जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि प्रभावित क्षेत्रों में हर संभव मदद करें, उन्होंने लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना भी की । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि किन्नौर जिले के निगुलसेरी में भूस्खलन होने से मलबे में बस व अन्य वाहन दबने का समाचार सुनकर मन व्यथित है। उन्होंने कहा मलबे में दबे लोगों को सुरक्षित निकालने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। समस्त यात्रियों एवं स्थानीय निवासियों के सकुशल एवं सुरक्षित होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, महामंत्री त्रिलोक कपूर, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, मुख्य प्रवक्ता एवं राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बोर्ड के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।
कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने किन्नौर के निगुलसरी के पास दर्दनाक सड़क हादसे व पहाड़ दड़कने में चपेट में आये कुछ वाहनों, टिप्पर व एचआरटीसी की बस दबने पर दुःख प्रकट करते हुए इसमें दबे लोगों के सकुशल होने की भगवान से कामना की है। राठौर ने इस हादसे पर दुःख प्रकट करते प्रशासन से प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने की गुहार लगाई है।
कर्मचारियों से सौतेला व्यवहार क्यों? अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन ने सरकार पर लगाए भेदभाव के आरोप हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग, प्रदेश महासचिव अनिल सेन, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार, संरक्षक राजेश सिंह पुरिया, सलाहकार राजेश वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता विजय राणा, सचिव सुशील चंदेल, मोहन ठाकुर, प्रेस सचिव राकेश चौहान, प्रेमपाल पठानिया, आईटी सेल हेड संदीप चंदेल, जिला कांगड़ा अध्यक्ष सुनील पराशर, हमीरपुर जिलाध्यक्ष डॉ सुरेश कुमार, शिमला जिलाध्यक्ष नंद लाल, चम्बा जिलाध्यक्ष राजेंदर पॉल, मंडी जिला अध्यक्ष कृष्ण यादव, ऊना जिलाध्यक्ष संजीव बग्गा ने सामूहिक बयान में कहा कि संगठन अनुबंध और अनुबंध से नियमित कर्मचारियों की नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता पर मुख्यमंत्री द्वारा विधानसभा में दिए गए जबाब पर नाराजगी जताई है। विधानसभा में कांगड़ा के विधायक पवन काजल द्वारा अनुबंध कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता दिए जाने के प्रश्न के जबाब में मुख्यमंत्री ने लिखित रूप में अनुबन्धकाल से वरिष्ठता देने से मना किया है। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए जबाब में कहा गया कि अनुबन्धकाल से वरिष्ठता देने का कोई प्रावधान नहीं है। कर्मचारियों का कहना ही कि पूर्व में विभिन्न कर्मचारियों को लाभ देने के लिए सरकार द्वारा कई बार नियम बदले हैं तो अनुबंध कर्मचारियों को वरिष्ठता क्यों नही दी जा सकती? 2008 में प्रदेश में पहली बार भाजपा सरकार ने बैच और कमीशन आधार पर चयनित कर्मचारियों को 8 साल के अनुबंध पर नियुक्ति दी। इससे पहले बैच और कमीशन पास कर्मचारियों को नियमित नियुक्ति दी जाती थी। अब यह कर्मचारी केवल नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता की मांग कर रहें है जिसे सरकार बार बार नियमों का हवाला देकर टाल रही है जोकि गलत है। कर्मचारियों का कहना है कि अगर पूर्व सरकारों में कोई निर्णय असमानता आधरित लिया गया हो तो वर्तमान सरकार का दायित्व है कि कर्मचारी हित में ऐसे निर्णयों को बदले नाकि नियमों का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़े। अगर नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने का सरकार विचार नहीं रखती तो बार बार कर्मचारियों को आश्वासन क्यों दिए जाते हैं? आखिर पिछले 3 सालों से ऐसी कोन सी तकनीकी बाधाएं हैं जो दूर नहीं हो रहीं। नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता ना मिलने से जूनियर कर्मचारी सीनियर होते जा रहे हैं। सरकार द्वारा दिए गए अनुबंध की अवधि भी अलग अलग होने के कारण कर्मचारियों के नियमितीकरण में भी अंतर पैदा हुआ है। संगठन के पदाधिकारी अपनी प्रमुख मांग नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता व अनुबंध काल को कुल सेवाकाल में जोड़ने के संदर्भ में पिछले लगभग साढ़े तीन सालों में सैकड़ों ज्ञापन स्वयं और विभिन्न माध्यमों से मुख्यमंत्री को प्रेषित कर चुका है l लगभग सभी विधायकों व प्रदेश सरकार के मंत्री प्रदेश में जहां भी जाते थे उनसे वरिष्ठता से संबंधित ज्ञापन सौंपे गए हैं । 6 फरवरी 2020 को जिला मंडी सरोआ में जनमंच के दौरान भी मुख्यमंत्री ने संगठन के पदाधिकारियों को इस मांग को जल्द ही पूरा करने का आश्वासन दिया था l संगठन के पदाधिकारियों को मात्र आश्वासन ही मिलते आए हैं, जिससे प्रदेश के लगभग 60000 अनुबंध व अनुबंध से नियमित कर्मचारी अपने आपको ठगा हुआ सा महसूस कर रहे हैं l प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग और महासचिव अनिल सेन ने कहा कि प्रदेश सरकार यह बताएं कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को सरकार से पूरा करवाने के लिए और कौन सा तरीका अपनाएं जिससे कि यह मांग पूरी हो सके l संगठन के प्रदेश महासचिव अनिल सेन ने कहा कि सरकार ने हर कर्मचारी वर्ग की मांगों का ध्यान रखा लेकिन सिर्फ पुरानी पेंशन और नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता की मांग को यूं ही छोड़ दिया गया है जिससे इस प्रदेश के हर विभाग में कार्यरत अनुबंध व अनुबंध से नियमित कर्मचारियों में प्रदेश सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है l प्रदेश सरकार यह बताए कि 60000 अनुबंध और अनुबंध से नियमित कर्मचारियों के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों? उन्होंने कहा कि जल्द ही उनका एक प्रतिनिधिमंडल इस मांग के संदर्भ में मुख्यमंत्री से शिमला में मिलेगा l प्रदेश महासचिव अनिल सेन ने कहा कि सरकार की वित्तीय हालत को देखते हुए उन्हें यह वरिष्ठता बिना किसी वित्तीय लाभ के चाहिए जिसके लिए कर्मचारी एफिडेविट तक देने को तैयार हैं l संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका संगठन सिर्फ और सिर्फ प्रदेश के विभिन्न विभागों में R&P नियमों अर्थात कमीशन और बैच वाइज आधार पर भर्ती अनुबंध और अनुबंध से नियमित कर्मचारियों के लिए ही नियुक्ति की तिथि से मांग करता आ रहा है l उन्होंने कमीशन पास करके कोई गुनाह किया है क्या? यदि गुनाह किया है तो सरकार को हिमाचल लोक सेवा आयोग व हिमाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड बंद कर देने चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कशयप ने कहा केंद्र सरकार ने 127वां संविंधान संशोधन बिल के तहत कानून बनने के बाद राज्य सरकारों को ओबीसी लिस्ट तैयार करने का अधिकार दे दिया है। इसका फायदा उन राज्यों की उन जातियों को होगा, जो लंबे समय से ओबीसी में शामिल होने की मांग कर रहीं हैं। इससे ओबीसी वर्ग को हर राज्य में बड़ा फायदा होगा। इससे पूर्व भी मोदी सरकार ने ओबीसी से अपनी कैबिनेट में 27 ओबीसी मंत्रियों को स्थान देकर उनका मान बढ़ाया। प्रधानमंत्री ने अनेको योजनाओं को बनाकर ओबीसी वर्ग का विशेष ख्याल रखा। उन्होंने कहा कि जिस तरह सदन ने बिल का समर्थन किया वो स्वागत योग्य है, कश्यप ने कहा कि बीजेपी की नीति और नीयत साफ है। कांग्रेस हमेशा पिछड़ों का वोट लेती रही लेकिन उनके लिए कुछ नहीं किया। ओबीसी समुदाय से जुड़ी लिस्ट तैयार करने के लिए राज्यों को अधिकार देने वाला संविधान संशोधन बिल लोकसभा में पारित किया गया, हाल ही में केंद्रीय कैबिनेट ने इसपर मुहर लगाई थी। 127वां संविधान संशोधन बिल के द्वारा आर्टिकल 342 A (3) लागू किया गया, जिसके जरिए राज्य सरकारों को ये अधिकार होगा कि वह अपने हिसाब से ओबीसी समुदाय की लिस्ट तैयार कर सकें, संशोधित बिल के पारित होने के बाद राज्यों को इसके लिए केंद्र पर निर्भर नहीं रहना होगा। उन्होंने कहा इस बिल में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी धयान रखा गया है। इस बिल को 15 विपक्षी दलों का साथ मिला है और यह बिल राज्य सभा मे भी पारित को जाएगा।
उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने सामान्य उद्योग निगम की ओर से प्रदेश सरकार को लाभांश के रूप में 37,79,796 रुपये का चैक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भेंट किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को सामान्य उद्योग निगम की ओर से मुख्यमंत्री कोविड फंड के लिए भी 8,82,000 रुपये का एक अन्य चैक भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस पुनीत कार्य के लिए सामान्य उद्योग निगम का आभार व्यक्त किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग आर.डी. धीमान, निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर जो राज्य रेडक्राॅस सोसायटी के अध्यक्ष भी हैं, ने मंगलवार को राजभवन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को स्वास्थ्य उपकरण भेंट किए। राज्य रेडक्राॅस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्षा डाॅ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थी। स्वास्थ्य उपकरणों में 15 वेंटिलेटर्स, 40 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 640 पीपीई किट्स, मास्क इत्यादि शामिल हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि रेड क्राॅस ने कोविड महामारी के दौरान महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि रेडक्राॅस के माध्यम से समय-समय पर राहत सामग्री, स्वास्थ्य उपकरण और अन्य किट उपलब्ध करवाए गए हैं। इसके अतिरिक्त रेडक्राॅस द्वारा रक्तदान शिविर और जागरूकता अभियान आयोजित करवाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा का यह क्रम और अधिक दृढ़ता के साथ चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि रेडक्राॅस के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को और अधिक बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध करवाए गए स्वास्थ्य उपकरणों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि पात्र लोगों को इनका लाभ मिल सके। डाॅ. साधना ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान विशेष रूप से गरीब लोगों को भोजन और स्वास्थ्य किट आदि उपलब्ध करवाकर राहत प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि रेडक्राॅस द्वारा चिकित्सकों के माध्यम से शुरू की गई परामर्श सेवा की भी सराहना की गई है। राज्यपाल के सचिव प्रियतु मंडल, निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डाॅ. अनिता महाजन और उप-निदेशक डाॅ. रमेश चन्द भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
कांग्रेस प्रवक्ता किरण धांटा ने मंडी में मुख्यमंत्री द्वारा दिये गए बयान की 50 साल सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने कुछ नहीं किया पर कहा की मुख्यमंत्री को पिछले 50 सालों का अध्यन करना चाहिये। आज देश शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, विज्ञान, संचार, औद्योगिक विकास तथा गाँव की कनेक्टिविटी में जहां पहुंचा है पिछले 50 सालों की मेहनत का ही परिणाम है। आज देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है क्योंकि पिछले 50 सालों में इन क्षेत्रों में विकास की द्रष्टि से काम किया गया है। प्रवक्ता ने कहा की जिस तरह से भाजपा सरकार पिछले 7 सालों से सरकारी संस्थाओं का दुर उपयोग कर रही है और लोगों की भावनाओं के साथ जो गंदा खेल खेल रही है ऐसा कांग्रेस ने कभी भी 50 सालों में नहीं किया। आज देश के अन्न दाता को अपने हक के लिए सड़कों पर बैठना पड़ रहा है, सरकारी संस्थानों का दुर उपयोग हो रहा है, अवार्ड्स के नाम बदले जा रहे है, सरकारी सम्पति को कॉर्पोरेट घरानों को बेचा जा रहा है, कोरोना काल में स्वास्थ्य सुविधाओं में भ्रष्टाचार हो रहा है, पेट्रोल -डीज़ल की कीमतें हर दिन बढ़ रही है और महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है। प्रवक्ता ने कहा की जो हालात भाजपा ने 7 सालों में किये है निश्चित तोर पर कांग्रेस ने नहीं किये है और न ही करेगी। भाजपा प्रतिशोध और नफ़रत की राजनीति करती है। प्रवक्ता ने कहा की कांग्रेस ने हमेशा लोगों को जोड़ने की तथा उन की भावनाओं को आदर देने की राजनीति की है। भाजपा कभी भी देश की दूसरी पार्टियों के योगदान की कदर नहीं करती है और हमेशा दूसरों को तुच्छ बताने में कोई कसर भी नहीं छोड़ती। प्रवक्ता ने कहा की आज भाजपा के नेताओं को इतिहास पढ़ना चाहिये और उस की अहमियत को समझना चाहिये। उन्होने कहा की आने वाले चुनावों में भाजपा जरूर अपने अहंकार को चूर चूर होते देखेगी।
मंगलवार को एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति व विश्वविद्यालय में भर्तियों की न्यायिक जांच की मांग तथा RUSA छात्रों की परेशानियों के बारे में अवगत करवाया गया। प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने कहा कि कुलपति 2016-18 तक भाजपा मोर्चा के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहे उनकी इन सेवाओं के लिए उन्हे कुलपति बनाकर अधिनियम 35.20 को भंग किया है। इससे पूर्व इस अधिनियम के साथ छेड़छाड़ करने वाले प्रोफेसर को नौकरी से निष्कासित किया गया था, यदि कुलपति को नहीं हटाया गया तो NSUI इस मामले में चुनाव आयोग के पास जाकर केस दर्ज करवाएगी, इसके इलावा भर्ती में घोटाला हुआ है इसकी भी न्यायिक जांच की मांग की है। इसके इलावा पूरे प्रदेश में न्यू-रूसा बैच के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। RUSA छात्रों को लगभग 6 वर्षों से डिग्री नहीं मिली है जिसका ज़िम्मेवार विवि प्रशासन व ERP सिस्टम की ख़ामियां है। प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि RUSA छात्रों के भविष्य को देखते हुए री-असेसमेंट पोर्टल खोला जाना चाहिए व डिग्री पास करने का एक मौक़ा दिया जाना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर विश्वविद्यालय कुलपति की नियुक्ति रद्द व रूसा छात्रों के लिए कोई नीति नहीं बनाई तो NSUI उग्र आंदोलन के लिए तैयार रहेगी, इस प्रतिनिधि मंडल में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा परिसर अध्यक्ष प्रवीण मिनहास, अभय ठाकुर व महेश ठाकुर मौजूद रहे।
मंगलवार को अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को विधानसभा सत्र के मध्य में महासंघ का 26 सूत्रीय मांग पत्र सोंपा l अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री महोदय से जल्द से जल्द JCC की मीटिंग बुलाने का आग्रह किया और मुख्यमंत्री ने भी JCC की बैठक जल्द बुलाने का आश्वासन दिया है l
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राजस्व् मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश भू-जोत अधिकतम सीमा अधिनियम, 1972 (1973 का अधिनियम संख्यांक 19) का और संशोधन करने के लिए विधेयक को पुर:स्थापित करने के लिए पेश किया गया। जिसे हिमाचल प्रदेश भू-जोत अधिकतम सीमा(संशोधन) विधेयक, 2021 रखा गया। हालंकि अभी सदन में इस विधेयक पर चर्चा भी हाेनी है और उसके बाद इसे पारित किया जाएगा। ऐसे में बिल पारित हाेने के बाद भूखंडों में फैले हिमाचल प्रदेश के चाय बागान सरकार में निहित होंगे। इस कड़ी में धर्मशाला-पालमपुर से लेकर चौंतड़ा-जोगिंद्रनगर तक के टी-गार्डन सरकार के राडार में आ जाएंगे। यानी चाय बागान काे नहीं बेचा जा सकेगा। बताया गया कि धर्मशाला और पालमपुर में पांच से 10 हजार बीघा तक के टी गार्डन एक ही परिवार के राजस्व रिकार्ड में दर्ज हैं। इस संशोधित विधेयक के पारित हाेने से एचपी सीलिंग ऑफ लैंड होल्डिंग एक्ट 1972 की धारा-6ए व 6-7 को समाप्त कर दिया जाएगा। साफ है कि इस विधेयक के पारित होने के बाद चाय बागान सीलिंग एक्ट के दायरे में आ जाएंगे। इसके बाद लाखों बीघा चाय बागानों काे काेई भी नहीं बेच सकेंगे। यदि सरकार से अनुमति मिलती है ताे ही बेचने की मंजूरी दी जाएगी। धर्मशाला से जाेगिंद्रनगर तक फैला है चाय बागान हिमाचल में चाय बागानों के बड़े भूखंड धर्मशाला से लेकर जोगिंद्रनगर तक फैले हैं। इस फेहरिस्त में प्रदेश के दो प्रतिष्ठित परिवारों के पास हजारों बीघा टी-गार्डन की जमीनें हैं। इस विधेयक के लागू होने के बाद सरकार में निहित होने वाली टी-गार्डन की जमीनों के प्रयोग पर भी दिलचस्पी रहेगी। बता दें कि सीलिंग एक्ट से बाहर होने के बावजूद वर्तमान में चाय बागानों को बेचने व खरीदने की अनुमति नहीं है। इसके लिए बाकायदा राज्य सरकार से मंजूरी लेना आवश्यक है। प्रदेश सरकार के पास अब तक सैकड़ों बार चाय बागानों को बेचने व खरीदने के प्रस्ताव आ चुके हैं। क्या है लैंड सीलिंग एक्ट 1972 के इस एक्ट में एक व्यक्ति के नाम 151 बीघा यानी 302 कनाल से ज्यादा भूखंड नहीं हो सकता है। इससे ज्यादा जमीन को सरकार में निहित करने का प्रावधान है। चाय बागानों को इस कानून के दायरे में बाहर रख असंख्य भूखंड रखने का हक है। अब इसी में संशोधन किया जा रहा है। चाय बागानों की प्रति यूनिट 151 बीघा से अधिक जमीन को सरकार में निहित कर इसका प्रयोग कर सकती है। इस आधार पर टी गार्डन की जमीन पर कृषि-बागवानी से जुड़े अनुसंधान केंद्र या प्रदेश के बड़े संस्थान निर्मित हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को ओक ओवर में हिमाचल प्रदेश माॅडल प्रीजन मैनुअल-2021 को जारी किया। उन्होंने कहा कि यह माॅडल प्रीजन मैनुअल कारागार बंदियों के सुधार और पुनर्वास में सहायता करेगा और जेल बंदी अपनी कारावास अवधि का सही उपयोेग कर नए व्यवसायिक कौशल सीखेंगे। इस प्रकार कारावास से रिहा होने के बाद वे आसानी से अपनी आजीविका अर्जित कर अपने परिवार की सहायता कर सकते हैं और फिर से अपराध की राह पर चलने के बजाय पुनर्वास के बाद समाज का हिस्सा बन आदर्श नागरिक के रूप में देश की सेवा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष-2020 में आयोजित डीजीपी/आईजीपी सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रत्येक राज्य को एक आदर्श राज्य जेल नियमावली बनाने का निर्देश दिया था, इसलिए राज्य पुलिस आदर्श जेल नियमावली का मसौदा तैयार करने और यथाशीघ्र लागू करने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हिमाचल प्रदेश जेल मैनुअल-2000 लगभग 21 साल पुराना है। उन्होंने कहा कि जेल मैनुअल में राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों, खान-पान और जलवायु परिस्थितियों के अनुसार कुछ संशोधन किए गए हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के कारागारों में नई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएंगी, जिसमें कैदियों को उनके कौशल, क्षमता और इच्छा के अनुसार आजीविका कमाने के लिए कार्य और प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता लाने के लिए सभी करागारों को कम्प्यूटरीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी जेलों का प्रबंधन ई-प्रीजन साॅफ्टवेयर के माध्यम से किया जाएगा, जिन्हें आईसीजेएस प्रणाली के माध्यम से अदालतों, पुलिस और फाॅरेंसिक विज्ञान विभागों से जोड़ा जाएगा। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य की जेलों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए नई आधुनिक तकनीक और उपकरणों का उपयोग किया जाएगा। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कारागार एवं सुधार सेवाएं एन. वेणुगोपाल ने कहा कि कारागार कर्मचारियों को इस नई जेल नियमावली के प्रावधानों के सुचारू एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेलों में कैदियों का डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जाएगा ताकि पैरोल, फरलो आदि के दौरान उन पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य में 14 जेल हैं, जिनमें 2 केंद्रीय जेल, 9 जिला जेल और 3 उप-जेल हैं। इस अवसर पर मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) मनोज कुमार, महानिरीक्षक दलजीत ठाकुर, उप महानिरीक्षक सुनील कुमार, वरिष्ठ महानिरीक्षक शेर चंद शर्मा, मुख्य कल्याण अधिकारी भानु प्रकाश शर्मा आदि उपस्थित रहे।
स्वच्छ हिमाचल, स्वस्थ हिमाचल अभियान के तहत जिला में पर्यटन विभाग के तहत कुफरी, फागू क्षेत्र में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह जानकारी निरीक्षक होटल दलीप ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि अभियान के दूसरे दिन कुफरी में स्ट्रलिंग रिजोर्ट ट्वीन टावर, स्नो व्यू, गलू हिल रिजोर्ट, वूड पैकर, स्नो किंग रिट्रिट व हिमालयन रेस्टोरेंट के कर्मचारियों ने इस अभियान में भाग लिया, जबकि फागू में हिमालयन हाईट्स, शर्मा होम स्टे, अमन होम स्टे तथा वूड विस्ता रिजोर्ट के प्रबंधकों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत लगभग विभिन्न होटलों के 45 कर्मचारी व संचालक इस अभियान में शामिल हुए।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्वाधीनता के पश्चात से भारत मां की सेवा में निरन्तर कार्यरत, देश का एक महत्वपूर्ण छात्र संगठन बन गया है। संगठित रूप से सघन तथा सकारात्मक विचार के आधार पर निश्चित दिशा में सतत चलने की उसके कार्यकर्ताओं की सामूहिक संकल्प शक्ति से यह संभव हो पाया है। ये कहना है अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का। इसी कड़ी को जोड़ते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सुन्नी इकाई द्वारा शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर को अटल बिहारी बाजपेई राजकीय महाविद्यालय सुन्नी की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इकाई अध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सुन्नी महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय के अध्यापकों के सभी पद खाली पड़े है। जिस कारण छात्रों को समस्याओं का समना करना पद रहा है। सुन्नी महाविद्यालय में सभागार का निर्माण काफी समय पहले हो चुका है लेकिन अभी तक इसका उदघाट्न नहीं हुआ है। जिस कारण यहाँ के छात्र इसका उपयोग नहीं कर पर रहे है। उन्होंने बताया कि सुन्नी महाविद्यालय में खेल के मैदान की स्थिति बहुत ही दयनीय। यहाँ पर खेल क्रिया करना बहुत मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द उनकी समस्याओं को हल करने की मांग की है।
स्वच्छ हिमाचल, स्वस्थ हिमाचल अभियान के तहत सोमवार को जिला पर्यटन विभाग द्वारा होटल निरीक्षक दलीप ठाकुर की अगुवाई में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। दलीप ठाकुर ने बताया कि पर्यटन सूचना केन्द्र बाईपास तथा विक्ट्री टनल के आसपास इस अभियान के तहत सफाई का कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि विभिन्न होटलों के कर्मचारियों ने इसमें सहयोग किया। होटल विक्ट्री, सिडार, लैंड मार्क व बालजीज होटल के लगभग 15 कर्मचारियों ने इस स्वच्छ हिमाचल, स्वस्थ हिमाचल अभियान के तहत सफाई कार्य में भाग लिया। पर्यटन सूचना अधिकारी विक्रम चौहान ने बताया कि आगामी दिनों के तहत भी अभियान के अंतर्गत अन्य क्षेत्रों में सफाई कार्य किया जाएगा, जिसके लिए नगर के होटल व्यवसायियों अथवा प्रबंधकों का सहयोग लिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी व जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष के निर्देशानुसार सोमवार को रोडडू युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बलदेव सिंटियाँन की अध्यक्षता में भारतीय युवा कांग्रेस का 61वां स्थापना दिवस नागरिक अस्पताल रोहड़ू में मनाया गया। इस उपरांत कोविड-19 मरीजों व अन्य मरीजों को फल वितरण किए गए। रोहड़ू युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बलदेव सिंटियाँन ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेसी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है। कोविड-19 के दौर में भारतीय युवा कांग्रेस व हिमाचल युवा कांग्रेस व रोहड़ू युवा कांग्रेस ने जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरण करके गरीबों की सेवा की है। इस उपरांत जिला शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष रविंद्र सिंह ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे और रोहड़ू युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अशोक डंडा उपाध्यक्ष प्रवीण चौहान, उपाध्यक्ष रानू बाफ्टा, महासचिव बनवारी लाल, अनूप ठाकुर, राजन सँगैल् , पंकज ठाकुर, राकेश चौहान, अनिल कालता, ईशान शोंगी, विवेक सेवक, हरीश कायत, रोहन कैथ, पंकज शर्मा, कपिल मांटा इत्यादि मौजूद रहे।


















































