प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि विधानसभा में 12 जून को "बाल सत्र" का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सत्र में कुल 68 बच्चे भाग ले सकेंगे तथा वे मुख्यमंत्री, स्पीकर, मंत्री, नेता प्रतिपक्ष तथा पक्ष व विपक्ष के विधायक की भूमिका भी निभायेंगे। पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा देश की दूसरी विधान सभा है जहां "बाल सत्र" का आयोजन किया जा रहा है। इससे पूर्व डिजिटल बाल मेला और एलआईसी द्वारा ही राजस्थान विधान सभा में वर्ष 2021 में "बाल सत्र" का आयोजन किया गया था।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने कहा है कि कांग्रेस की वचनबद्धता को देख कर भाजपा हताशा में है। भाजपा के पास शिमला शहर के विकास लिए न तो पहले कोई विज़न था और न आगे है। भाजपा ने शिमला नगर निगम चुनाव से पहले ही अपनी हार मान ली है, क्योंकि उसे लोगों का कोई भी समर्थन नहीं मिल रहा है। किमटा ने कांग्रेस के मेनिफेस्टो को शिमला शहर के लिए कांग्रेस का एक विज़न डॉक्यूमेंट बताते हुए कहा कि सुक्खू सरकार शिमला शहर व लोगों को मूलभूत सुविधाओं में विस्तार करते हुए असल में इसे स्मार्ट सिटी बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का कांग्रेस की वचनबद्धता पर सवाल उठाने का कोई हक़ नहीं है। किमटा ने कहा कि भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान का खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ा हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम ने अपने कार्यकाल में स्थानीय लोगों के लिए जो भी घोषणाएं की थीं, एक भी पूरी नहीं हुई। लोगों पर टैक्स थोपे गए, जबकि सुविधाओं के नाम पर उन्हें गुमराह किया जाता रहा। शिमला शहर में पेयजल आपूर्ति कभी नियमित नहीं हो पाई, जबकि इसके मूल्यों में बढ़ोतरी होती रही। नगर निगम अपना खजाना तो भरता रहा पर लोगों को कोई भी राहत नहीं दी गई। किमटा ने भाजपा की घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए कहा है कि सत्ता में रहते हुए भाजपा ने कोई ऐसा काम नहीं किया, जिससे वह लोगों से वोट मांग सके। अब भाजपा लोगों को झूठे सपने दिखाने का असफल प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों की तरह शिमला नगर निगम चुनावों में भाजपा को करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।
राज्य के लोगों के लिए मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 को अधिक सुलभ और सरल बनाने के लिए सरकार इसमें नई सुविधाएं जोड़कर मजबूत करेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को हेल्पलाइन के लिए एक व्हाट्सएप चैटबॉट विकसित करने का निर्देश दिया है। इससे नागरिकों को उनकी शिकायतों पर अद्यतन जानकारी प्राप्त करने, प्रतिक्रिया प्रदान करने, कॉलबैक का अनुरोध करने और नई शिकायतें दर्ज करने की और बेहतर सुविधा प्राप्त होगी। शिकायत संबंधी सुविधाओं के अलावा, व्हाट्सएप चैटबॉट विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जानकारी भी प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे व और अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए अपने कामकाज में वृहद स्तर पर प्रौद्योगिकी को शामिल करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप चैटबॉट का विकास पहले ही शुरू किया जा चुका है, और इस नई सुविधा से मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100 की दक्षता और पहुंच में काफी वृद्धि होने की उम्मीद है, जिससे नागरिकों के लिए जानकारी प्राप्त करना और अपनी शिकायतों का समाधान और आसान हो जाएगा। राज्य सरकार आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सभी विभागों की हेल्पलाइन सेवाओं को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन से जोड़ने की दिशा में भी कार्य कर रही है। यह कदम नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करेगा और उनके मुद्दों को अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगा। इसके अलावा, हेल्पलाइन का उपयोग बेसहारा मवेशियों की निगरानी के लिए भी किया जाएगा। इसके लिए आईटी विभाग ने एक मोबाइल एप्लिकेशन विकसित की है। इससे उपयोगकर्ता बेसहारा मवेशियों की तस्वीरें लेने और उनके स्थान इत्यादि की जानकारी प्राप्त करने में सक्षम होगा। इसमें प्राप्त जानकारी स्थानीय अधिकारियों के साथ साझा की जाएगी, जो इसका उपयोग इन पशुओं को चिन्हित करने और उचित कार्रवाई के लिए कर सकते हैं। इस एप्लिकेशन में जीपीएस ट्रैकिंग, जियो-टैगिंग और पुश नोटिफिकेशन जैसी विशेषताएं शामिल होंगी। इससे अधिकारी के स्तर पर शीघ्र कार्रवाई भी सुनिश्चित हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य के लोगों के लिए सरकारी सेवाओं में सुधार और महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। प्रौद्योगिकी से विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के एकीकरण और बेसहारा पशुओं की निगरानी सुुनिश्चित कर सरकार समस्या-समाधान और जन सेवा के लिए एक सक्रिय दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रकाश सिंह बादल का मंगलवार देर सायं मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि देश ने राजनीति के महान व्यक्त्वि को खो दिया है। प्रकाश सिंह बादल ने सात दशकों में देश की राजनीति के इतिहास में अपनी गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि वे एक विशिष्ट राजनेता थे, जो पंजाब में तनाव के दौर में भी राष्ट्र को एकजुट करने और सहयोग बढ़ाने के लिए प्रयत्नशील रहे। उन्होंने मात्र 20 वर्ष की उम्र में सरपंच के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि पंजाब की हरित क्रांति में उन्होंने प्रमुख भूमिका निभाई और वे किसानों के सच्चे हितैषी थे। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि प्रकाश सिंह बादल पंजाब के राजनीतिक क्षेत्र में एक प्रभावशाली व्यक्तित्व थे। वह एक तेज़-तर्रार जन नेता थे, जिन्होंने देश को एकजुट करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बंटवारे के समय से ही उन्होंने भाईचारे को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए और पंजाबियत की सच्ची भावना को सदैव बनाए रखा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी गारंटियों से तौबा कर ली है, कांग्रेस पार्टी को समझ आ गया है कि गारंटियों को देना तो आसान है, पर उनको पूरा करना मुश्किल है। इस बार नगर निगम शिमला के चुनावों में कांग्रेस पार्टी से अपने घोषणा पत्र में केवल इरादे दिए हैं। पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. राजीव बिंदल की यह पहली प्रेस वार्ता रही। बिंदल ने कहा कि न कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन मिली और न ही महिलाओं को 1500 रुपये मिले। प्रदेश की 22 लाख महिलाएं अभी भी 1500 रुपये के इंतजार में है। बिंदल ने कांग्रेस से पूछा कि 25 साल तक नगर निगम में कांग्रेस ही बनी रही, लेकिन उनके नेतृत्व से ढली की एक टनल तक नहीं बन पाई। भाजपा सरकार ने 70 करोड़ की लागत से पानी की योजना बनाकर उसे निर्धारित समय में पूर्ण किया और ढली में नई टनल का निर्माण भी 53 करोड़ की लागत से किया। शिमला की जनता ने भाजपा के कार्यकाल में पिछले पांच साल में बदलता हुआ शिमला देखा है। भाजपा ने शिमला शहर को अनेकों सुविधाएं दी हैं। कांग्रेस इस बात से डरी हुई है। बिंदल ने कहा कि स्मार्ट सिटी के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश को 6500 करोड रुपए आया है और शिमला शहर के लिए 1813 करोड़ की नई पेयजल योजना भी भाजपा की सरकार ही लाई है। साथ ही 1516 करोड़ की पर्वतमाला योजना भी केंद्र सरकार की शिमला शहर को एक बड़ी सौगात है। प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा और सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा उपस्थित रहे।
हिमाचल अनुबंध नियमित कर्मचारी संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल जिला संयोजक मोहित शर्मा के नेतृत्व में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी से शिमला में सचिवालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विस्तार से वरिष्ठता की मांग को संजय अवस्थी के समक्ष उठाया। मुख्यमंत्री से व्यस्तता के कारण मुलाकात नहीं हो पाई। मुख्य संसदीय सचिव ने उनकी मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया और कहा कि वे 4 मई के बाद स्वयं उन्हें मुख्यमंत्री से मिलाएंगे। कर्मचारी संख्यावल के साथ आएं, ताकि मुख्यमंत्री को आपकी मांग और उसके पूरा ना होने के कारण हो रहे नुकसान से अवगत करवाया जा सके। इस दौरान संगठन ने सरकार भर्ती व पदोन्नति नियमों (R&P rules) के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष मुनीष गर्ग और महासचिव अनिल सेन के अनुसार पिछले लंबे समय से कर्मचारियों ने वरिष्ठता की मांग को प्रदेश के हर मंच पर सैकड़ों बार उठाया है, लेकिन हर बार पूर्व सरकार से उन्हें केवल आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। चुनावों से पूर्व उपमुखमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता देने का वादा किया था। कर्मचारियों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही प्रदेश के 70 हजार कर्मचारियों की इस मांग को जरूर पूरा करेगी। संगठन के महासचिव अनिल सेन और वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कुमार और प्रदेश प्रवक्ता विजय राणा के अनुसार 2008 में पहली बार भाजपा सरकार ने लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ चयन बोर्ड द्वारा भर्ती व पदोनित नियमों के अंतर्गत नियुक्त कर्मचारियों को अनुबंध आधार पर नियुक्त किया। निश्चित वैधानिक प्रक्रिया को पूरा करने के बाद भी कमिशनपास कर्मचारियों को प्रदेश के इतिहास का सबसे लंबा अनुबंधकाल दिया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष एल आर कांटा के अनुसार उसके बाद आई सरकारों ने अनुबंध अबधि को कम किया, लेकिन कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से अपना कर्मचारी नहीं माना। सरकार कर्मचारी के सेवा की गणना उनके नियमितीकरण से कर रही है, ना कि उनकी प्रथम नियुक्ति से। सभी सदस्यों ने मांग की है कि सरकार अनुबंध नियमित कर्मचारियों को नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता की घोषणा करे और उनके अनुबंधकाल की सेवा को कुल सेवाकाल में जोड़ा जाये। प्रतिनिधिमंडल में अमर, मनोहर, विनोद, मोहित, अमित, रवि, मनोज, हेमदत्त, कुलदीप सकलानी, मोनिका, भुवनेश, तारा, अंकुश, हेतराम आदि सदस्य शामिल रहे।
ई-ऑफिस सरकारी कार्यालयों में एक सरल, उत्तरदायी, प्रभावी, जवाबदेह और पारदर्शी कार्यप्रणाली प्राप्त करने का माध्यम है। ई-ऑफिस से कार्य करने की क्षमता बढ़ती है और त्वरित निर्णय लेने में सहायता मिलती है, साथ ही कार्यालय पेपरलेस भी बनते हैं। ई-ऑफिस के महत्व को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने सरकारी विभागों के कामकाज में पारदर्शिता और दक्षता लाने के लिए 1 जुलाई से ई-ऑफिस प्रणाली शुरू करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग को ई-ऑफिस प्रणाली को समयबद्ध तरीके से सफलतापूर्वक लागू करने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में ई-ऑफिस प्रणाली 24 निदेशालयों, चार उपायुक्त कार्यालयों, एक पुलिस अधीक्षक कार्यालय और तीन क्षेत्रीय कार्यालयों में प्रभावी ढंग से काम कर रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश सचिवालय की सात शाखाएं, नौ निदेशालय, दो उपायुक्त कार्यालय, चार पुलिस अधीक्षक कार्यालय और दस फील्ड कार्यालय आंशिक रूप से ई-ऑफिस का उपयोग कर रहे हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश सचिवालय की सभी 109 शाखाओं, सभी 70 निदेशालयों, सभी 12 उपायुक्त कार्यालयों, सभी पुलिस अधीक्षक कार्यालयों और अन्य फील्ड कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली शुरू करना है। यह प्रणाली निर्णय लेने में शीघ्रता और अधिक प्रभावी प्रक्रिया के लिए अग्रणी रिकार्ड को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सुविधा प्रदान करेगी। सरकार द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली को लागू करने के कदम को दक्षता, उत्पादकता और प्रभावशीलता को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण सुधार माना जा रहा है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने इस दिशा में महत्वाकांक्षी प्रयास करते हुए लगभग 9 वर्ष पूर्व ही पेपरलेस प्रणाली को अपना लिया था। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ई-ऑफिस प्रणाली शुरू करने के लिए दो तरफा रणनीति अपना रहा है। एक ओर हिमाचल प्रदेश सचिवालय और निदेशालय स्तर के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के लिए पर्याप्त जनशक्ति उपलब्ध करवाई जा रही है। हिमाचल प्रदेश सचिवालय के कर्मचारियों द्वारा यह प्रशिक्षण इस साल मार्च में पूर्ण कर लिया गया है तथा निदेशालय स्तर पर 10 अप्रैल से पूर्ण रूप से शुरू हो चुका है। सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकारी तंत्र को तकनीकी प्रगति के साथ सामंजस्य स्थापित करने की आवश्यकता है। प्रभावी शासन के लिए सुरक्षित, सुलभ, डिजिटल बुनियादी ढांचे के साथ डिजिटल रूप से उन्नत राज्य बनाना ही वर्तमान सरकार का उद्देश्य है। राज्य के लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रौद्योगिकी को शामिल करने की योजनाएं चलाई जा रही हैं। आईटी विभाग को राज्य में डिजिटल बुनियादी दान ढांचे के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी होगी। इसके लिए सरकार द्वारा आईटी विभाग को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।
इंर्ग्लैंड स्थित ब्रिटिश हिमाचल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने रविवार सायं मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंग्लैंड में बसे प्रवासी हिमाचलियों से राज्य में पर्यटन व अन्य क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवोन्मेषी पहल कर रही है। वहीं सोसाइटी के प्रतिनिधि अवनीष और रितु ने मुख्यमंत्री को ब्रिटिश हिमाचल सोसाइटी द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि सोसाइटी द्वारा गत 15 अप्रैल को लंदन में 76वां हिमाचल दिवस भी मनाया गया। सोसाइटी प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। यह बात उन्होंने आज जिला मंडी के श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नेरचौक में एमबीबीएस चिकित्सकों के प्रथम दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। समारोह में उन्होंने प्रथम बैच के चिकित्सकों को इंटरनशिप सर्टिफिकेट प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों की मांग पर चिकित्सा महाविद्यालय में खेल मैदान तथा अतिरिक्त हॉस्टल का निर्माण करने के लिए महाविद्यालय प्रबन्धन को भूमि का चयन करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में चिकित्सकों को भी चुनौतियों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनौतियों से निपटने के लिए कड़ा परिश्रम करना पड़ता है और मेहनत के बाद ही सफलता हासिल होती है। सरकारी क्षेत्र में रोजगार के सीमित अवसर होने के बावजूद राज्य सरकार चिकित्सकों को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में तकनीकी बदलावों के दृष्टिगत चिकित्सकों को नई तकनीक अपनाकर आगे बढ़ना होगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार डिपार्टमेंट ऑफ इमरजेंसी मेडिसन बना रही है, जिसके तहत चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ आठ घंटे की शिफ्ट में काम करेंगे। इससे आपातकालीन सेवाओं में गुणवत्ता बढ़ने के साथ-साथ चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टॉफ स्वस्थ भी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के चार चिकित्सा महाविद्यालयों शिमला, टांडा, नेरचौक, हमीरपुर में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने जा रही है। शिमला और टांडा चिकित्सा महाविद्यालयों में लेटेस्ट पैट स्कैन और सीटी स्कैन की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चिकित्सा महाविद्यालयों में विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी और राज्य सरकार इस पर गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। हमीरपुर में कैंसर का आधुनिक अस्पताल निर्मित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने मेडिकल सर्विस कॉरपोरेशन का गठन किया है, जिससे सरकारी खरीद में पारदर्शिता आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पेयजल की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रयास कर रही है और प्रदेश की सभी पेयजल योजनाओं में चरणबद्ध तरीके से यूवी आधारित वॉटर प्यूरिफाइर की तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछली सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण राज्य की आर्थिक स्थिति चिंताजनक थी, जिस कारण राज्य सरकार को 6 हजार करोड़ रुपये का ऋण लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को चार वर्ष में पटरी पर लाया जाएगा, जिसके लिए कड़े फैसले लेने होंगे। उन्होंने कहा कि आईजीएमसी महाविद्यालय, शिमला ने देश को सर्वश्रेष्ठ चिकित्सक प्रदान किए हैं। आईजीएमसी से शिक्षा ग्रहण करने के उपरान्त चिकित्सक दिल्ली के सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा संस्थानों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय संजौली के सीएसए का चुनाव जीता और 17 वर्ष की आयु में वह सीआर बने थे। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में बिताए दिनों को भी याद किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि विद्यार्थी के जीवन में कॉलेज का समय महत्वपूर्ण होता है। सभी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इस महाविद्यालय की स्थापना के लिए काफी प्रयास किए हैं और आज यहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे आम लोगों को भी सुविधाएं मिल रही हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भाजपा नेताओं की आपसी खींचतान की वजह से शिमला नगर का विकास प्रभावित हुआ। स्मार्ट सिटी के नाम पर भी कांग्रेस वार्डों के साथ भेदभाव किया गया। कांग्रेस इस भेदभाव को दूर कर शिमला के सभी वार्डों में लोगों की समस्याओं को दूर करेगी। बेनमोर वार्ड में आज पार्टी प्रत्याशी कुमारी शिनम कटारिया के पक्ष में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिमला शहर में पूर्व भाजपा सरकार की ऐसी कोई भी उपलब्धि नहीं है, जिसके लिए वह लोगों से वोट मांग सके। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में लोगों ने कांग्रेस पर विश्वास जताते हुए उसे सत्ता में बिठाया है और कांग्रेस अपने सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस शहर के हर वार्ड में लोगों के लिये बुक कैफे व युवाओं के लिये ओपन जिम खोले जाएंगे और जो खुले हैं, उन्हें और सशक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिमला में पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिये प्रति वर्ष राष्ट्रीय स्तर का पुस्तक मेला भी आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने व पार्किंग, स्ट्रीट लाइटों व सड़को ,पेयजल को बेहतर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किये जायेंगे। जाखू में पार्टी प्रत्याशी अतुल गौतम के चुनाव कार्यालय का किया शुभारंभ जाखू में पार्टी प्रत्याशी अतुल गौतम के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ करते हुए प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब दें। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को गुमराह करने में नंबर एक हैं। उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनावों में भी भाजपा ने लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया जिसमें वह सफल नही हुई। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम चुनाव कांग्रेस के लिये बहुत ही महत्वपूर्ण है और इसे किसी भी प्रकार से हल्के से न लिया जाए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुटता के साथ पार्टी के अधिकृत प्रत्यशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्य करने को कहा। प्रतिभा सिंह ने पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की अनुशासनहिनता के लिये चेताते हुए कहा कि पार्टी इसे गम्भीरता से से लगी और ऐसी किसी भी शिकायत आने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
भाजपा ने आज नगर निगम शिमला चुनाव 2023 के अपने दृश्टिपत्र का विमोचन प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सुखराम चौधरी, त्रिलोक जम्वाल, बलबीर वर्मा, चेतन ब्रागटा, संजय सूद द्वारा किया गया। जयराम ठाकुर ने दृष्टि पत्र पड़ते हुए कहा शिमला ब्रिटिश काल से ही देश की राजधानी रही है, और पूरे विश्व में इसकी एक अलग पहचान है। किसी समय शिमला की जनसंख्या 15-20 हजार थी लेकिन समय के बीतते आज शिमला की जनसंख्या 2.50 लाख के करीब हो गई है। बढ़ती जनसंख्या तथा आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता हर नगरवासी की आवश्यकता है। गत समय में हमारी पार्टी की सरकार ने शिमला को ‘हिल्ज क्वीन’ बनाने के लिये बहुत प्रयास किये हैं। अब शिमला नगर निगम चुनाव में हम बहुआयामी व जनता को सुविधा देने वाला एक दृश्टिपत्र लेकर आये हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप नगर निगम के चुनाव में जनसेवक भारतीय जनता पार्टी प्रतियाशियों को विजयी बनाकर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को सेवा का अवसर प्रदान करेंगे। हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि शिमला नगर निगम में सत्ता में आने के बाद हम निम्नलिखित कार्य व जनसुविधाएं प्रदान करेंगे। 1. 2000 लीटर तक प्रति माह पानी का बिल नहीं आयेगा। 2. शहरवासियों को टैक्सों के जाल से मुक्ति, ‘‘एक निगम एक टैक्स’’ प्रणाली लागू करेंगे। वतर्मान में कूड़ा बिलों को 50 प्रतिशत तक माफ करेंगे। 3. हर वार्ड/मोहल्ले में सुलभ शौचालय बनाकर जनता को सुविधा देंगे। 4. पार्किंग हर मोहल्ले में होगी और गाड़ी व्यवस्थित पार्क होंगी। 5. हमारी पार्टी की सरकार की प्रतिबद्धता के अनुसार गरीब ढारा मालिकों को 2 बिस्वा तक जमीन में बने ढारों का अधिकार ‘‘जहां ढारा, वहीं मकान’’ देगी। 6. खतरनाक पेड़ों को समयबद्ध ढंग से हटाने का अधिकार नगर निगम को होगा। 7. हमारी सरकार ने बिजली के मीटरों को बिना एनओसी के मीटर लगाने का निणर्य लेकर लाखों लोगों को सुविधा दी है, उसी आधार पर पानी के मीटरों के लिए भी एनओसी नहीं होगा। 8. दुकानों के लाइसेंस की फीस की विशमताओं को समाप्त करेंगे एवं एक दुकान एक युनिट की व्यवस्था लागू होगी और एक ही लाइसेंस होगा। 9. नशामुक्ति के खिलाफ जन आन्दोलन चलायेंगे तथा शिमला की जनता को जागरूक भी करेंगे। 10. हर वार्ड के हर मुहल्ले में ‘ओपन जिम’ लगायेंगे जिससे समाज के हर वर्ग को स्वस्थ व सुदृढ़ बनाएंगे। 11. सारे नगर निगम क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरे के अन्तगर्त लायेंगे, जिससे अपराधों पर नजर रखी जायेगी व अपराधियों को पकड़ कर कानून के शिकंजे में लायेंगे। 12. आवारा कुत्तों व बंदरों के बढ़ते मामलों व इनके आक्रमक होने से जनता को आ रही परेशानी को दूर करने के लिये एक टास्क फोर्स बनायेंगे जो वतर्मान व्यवस्था में परिवतर्न कर ठोस उपाय करेंगे। एनजीओ व अन्य सामाजिक संस्थाओं को षामिल करेंगे। 13. शिमला नगर निगम क्षेत्र में और स्थान चयनित कर रैन बसेरा और लेबर हाॅस्टल बनाने का प्रयास करेंगे जिससे दिहाड़ीदारों, मजदूरों और अपना रोजगार करने वालों को आश्रय मिल सकेगा। 14. शिमला नगर कि विभिन्न स्थानों पर मैरेज पैलेस (शादी घरों) का निमार्ण करेंगे जिसमें सभी प्रकार की सुविधायें उपलब्ध होगी। 15. सोलर सिस्टम को बढ़ावा देंगे तथा यथासंभव अधिकतर छतों पर सोलर पैनल सबसीडि के आधार लगायेंगे। 16. भाजपा सरकार की योजना के अनुसार दाड़नी के बगीचे में बनाई जाने वाली सब्जी मण्डी - अनाज मण्डी के कार्य को गति देते हुये जल्दी पूरा करेंगे। 17. सभी वार्डों में ड्रेनेज सिस्टम को व्यवस्थित करेंगे जिससे गंदे पानी का रिसाव सावर्जनिक स्थलों पर न जा सके। 18. शिमला नगर निगम के वरिश्ठ नागरिकों व बुद्धिजीवियों की एक समिति महापौर की अध्यक्षता में बनायेंगे जिसे यह अधिकार होगा, कि उनके सुझावों पर नगर निगम कार्य करें तथा दिये गये सुझावों पर सरकार विकास के कार्यों के लिये धन आपूर्ति के लिए वाध्य होगी। 19. केन्द्र सरकार की 1546 करोड़ की बहुअयामी योजना ‘पवर्तमाला योजना’ को कायार्न्वित करने के लिए ठोस प्रयास केरेंगे जिससे स्थानीय नगारिकों और पयर्टकों को काफी लाभ होगा। 20. शिमला नगर के अंतिम छोर अथार्त प्रत्येक गांव तक पर स्थित सभी गांवों तक एम्बुलेंस रोड़ बनाएगें। 21. शिमला निगम क्षेत्र में सभी ‘फायर डाइड्रेंटस’ को क्रियाशील करेंगे ताकि कभी भी होने वाले अग्निकांड में शीघ्र काबू पाया जा सकेगा। जयराम ने कहा हमारा ध्येय: स्वच्छ शिमला, हरित शिमला,पयार्वरण युक्त शिमला, नशा मुक्त शिमला। तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के अथक प्रयासों से निम्नलिखित ऐतहासिक कार्य हुये हैं। 1. स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट (6500 करोड़) भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार की देन है। 2. शिमला शहर की जितनी भी तंग सडकें थी उनका चैड़ीकरण व सुधारीकरण किया, सड़क चैड़ीकरण कार्य मे किसी को बिना परेशानी किये, बिना नुकसान पहुंचाये सड़कों को चैड़ा किया है जिससे यातायात व्यवस्था सुधरी है और ट्रैफिक व्यवस्था भी ठीक हुई है। यह कार्य ब्रिटिश काल के बाद पहली बार हमारी सरकार द्वारा संभव किया गया है। आजादी के बाद पहली बार शिमला के नागरिकों के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने शिमला डेवलेपमैंट प्लान लाकर हजारों शहरवासियों को लाभ पहुंचाया। 3. पूरे शिमला में सड़कों के साथ पैदल रास्तों का निमार्ण किया है जिससे सड़क पर चलने वालों की सुरक्षा सुनिष्चित हुई है। 4. 1813 करोड़ की जल योजना का कार्य शुरू किया है, जिससे शिमला के नागरिकों को 24*7 चैबीस घंटे शुद्ध जल उपलब्ध होगा। 5. ढली की दूसरी टनल का निमार्ण कार्य 54 करोड़ की लागत से रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। यह टनल ब्रिटिशकाल के बाद शिमला की पहली टनल है। 6. हमारी सरकार ने 7 ओवर ब्रिज बनाये हैं, जिससे सुरक्षित आवगमन सुनिष्चित हो पाया है। 7. शिमला शहर में 4 लिफ्टों का निमार्ण कार्य किया गया है। 8. दो एस्केलेटरों का निमार्ण प्रगति पर है। 9. लिफ्ट के नजदीक आजीविका भवन का निमार्ण 12 करोड़ की राशि से किया गया है, जिसमें तिब्बती माकिर्ट शिफ्ट हुई तथा तिब्बती माकिर्ट जो कि बहुत समय से भूमि खिसकने से खतरे में थी वह समस्या भी समाप्त हुई है और आम जनता की आवाजाही सुलभ हुई है। 10. नगर निगम क्षेत्र में लोअर बाजार, राम बाजार, सब्जी मण्डी में स्मार्ट शॉप्स का निमार्ण किया और विकास नगर में 100 स्टाॅल बनाकर बेचे गए हैं जिससे व्यापारी वर्ग बहुत खुश है। 11. शिमला में 4 बुक कैफे बने हैं जिसका लाभ सभी लोगों-पाठकों को मिल रहा है। 12. ओपन जिम खोले गये हैं और अधिक जिम खोलें जायेंगे। 13. दो-सब-वे का निमार्ण किया गया है जिससे शहरवासियों को बिना व्यवधान के आने-जाने में सुविधा हुई है। 14. रझाणा बाईपास जो कि शोघी ढली रोड़ सेे जुड़ रही है उससे लोगों को आने जाने में समय भी कम लगेगा और तेल की बचत भी होगी। 15. बडे़-छोटे पार्कों का निर्माण किया गया है दादा-दादी पार्क भी बने हैं। भविश्य में और अधिक आदर्श पार्क बनाये जायेंगे। 16. वर्ष 2018 जल संकट के समय शिमला की जनता को जल उपलब्ध करवाया। चाभा से गुम्मा, गुम्मा से शिमला 70 करोड़ की लागत से शिमला की जनता को 10 एमएल पानी रोजाना मिला। यह योजना रिकॉर्ड समय मेें पूरी हुई। 17. हमारी भाजपा सरकार ने संजौली से इंदीरा गांधी मैडिकल काॅलेज तक हर मौसम मार्ग एवं जाखु मंदीर जाने के लिऐ हर मौसम मार्ग का निमार्ण किया जिससे श्रद्धालुओं और पयर्टकों को लाभ मिला। 18. कोविड काल में 4 करोड़ के कूड़ा बिलों को माफ किया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट की और उनके साथ विभिन्न द्विपक्षीय मामलों पर सारगर्भित चर्चा की। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को अवगत करवाया कि हिमाचल सरकार की ओर से हिमाचल में स्थापित जल विद्युत परियोजनाओं पर लगाए जाने वाले उपकर से हरियाणा को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश द्वारा लगाया जाने वाला जल उपकर, जल पर नहीं अपितु प्रदेश में कार्यरत लगभग 172 जल विद्युत परियोजनाओं पर विद्युत उत्पादन पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल उपकर के विषय में भ्रांतियों का निवारण ही आज की बैठक का उद्देश्य है। जल उपकर के विषय में बैठक में सार्थक चर्चा की गई। बैठक में रेणुका बांध परियोजना तथा हिमाचल, हरियाणा और उत्तराखंड की संयुक्त किशाऊ जल विद्युत परियोजना पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। बैठक में सरस्वती नदी के उद्गम स्थल आदिबद्री परियोजना के कार्यान्वयन के संबंध में भी चर्चा की गई। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विभिन्न संयुक्त परियोजनाओं के कार्यान्वयन में अनावश्यक देरी जहां एक ओर परियोजना की लागत को बढ़ाती है। वहीं परियोजना के लाभ देरी से मिलने से योजना का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि विभिन्न परियोजनाओं के विषय में दोनो राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक कर भावी नीति निर्धारित करेंगे। उन्होंने हरियाणा को हिमाचल प्रदेश में जल विद्युत परियोजनाओं तथा ग्रीन हाइड्रोजन में निवेश करने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश दोनों राज्यों के लिए हितकारी सिद्ध होगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि जल विद्युत परियोजनाएं भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पर्यावरण हितैषी भी हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश पर सार्थक विचार किया जायेगा। बैठक में अंतरराज्यीय सीमा पर भू-संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हरियाणा के सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेंद्र शर्मा सहित हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पत्रकारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार के विचाराधीन है। सामाजिक रूप से सुरक्षित पत्रकार सदैव अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बनाए रखेगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज चंडीगढ़ में दि कॉन्फेडेरेशन ऑफ न्यूजपेपर्ज़ एंड न्यूज एजेंसीज एम्पलोईज आर्गेनाईजेशन द्वारा ‘चेलेंजिज बिफोर प्रिंट मीडिया’ विषय पर आयोजित सत्र को मुख्यातिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन दि ट्रिब्यून एम्पलोईज यूनियन चंडीगढ़ द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम से लेकर पंचवर्षीय योजनाओं के लाभ जनमानस तक पहुंचाने और कल्याणकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी से लोगों को लाभान्वित करने में प्रिंट मीडिया की सराहनीय भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में सूचना के आदान-प्रदान में समाचार पत्रों का अहम योगदान है। इलैक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के वर्तमान समय में प्रिंट मीडिया विस्तृत जानकारी प्रदान करने और लोगों के मीडिया पर विश्वास को कायम रखने में विशेष रूप से सफल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने समाज के उपेक्षित एवं वंचित वर्गों के लिए अनेक नवीन योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया केे सहयोग से हमारी यह योजनाएं न केवल समय पर लक्षित वर्गों तक पहुंच रही हैं अपितु मीडिया द्वारा समय-समय पर प्रदत्त फीडबैक से यह योजनाएं और बेहतर भी बनेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मार्च, 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण मित्र उद्योग स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। राज्य में जलविद्युत के समुचित दोहन तथा पर्यटन क्षेत्र के पूर्ण विकास पर बल दिया जा रहा है। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में एशियन विकास बैंक की सहायता से 1311 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटन विकास योजना भी आरम्भ की जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं के सफल कार्यान्वयन के लिए मीडिया का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना सहित राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल, ग्रीन एनर्जी के लिए प्रदेश सरकार के प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि ट्रिब्यून समूह को विश्वसनीयता और ठोस समाचारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने आशा जताई कि समूह भविष्य में भी अपनी लेखनी के माध्यम से विश्ष्टि पहचान कायम रखेगा। वर्तमान में विभिन्न कारणों से मीडिया के समक्ष विश्वसनीयता का संकट प्रत्यक्ष है। मीडिया शीघ्र ही इस चुनौती से भी पार पा लेगा। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत सदैव सर्वोच्च रहेगी।
भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर में नगर निगम चुनावों की दृष्टि से जोन प्रभारी, प्रवासी प्रभारी, सह प्रवासी प्रभारी और वार्ड प्रभारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, नगर निगम चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, सुरेश भारद्वाज, गोविंद ठाकुर, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष विपिन परमार, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा उपस्थित रहे। सुखराम चौधरी ने बताया कि भाजपा नगर निगम चुनावों को लेकर अपने मेनिफेस्टो की लॉन्चिंग 23 अप्रैल को आशियाना रिज मैदान से दोपहर बाद 3 बजे करने जा रही है। मेनिफेस्टो कमेटी के अध्यक्ष गणेश दत्त, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और भाजपा का समस्त नेतृत्व इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। मेनिफेस्टो में भाजपा शासित नगर निगम शिमला की उपलब्धियों और आगामी विजन को जनता के समक्ष रखा जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल ने बताया की भाजपा 24 अप्रैल 2023 को नगर निगम शिमला के सभी 34 वार्डों में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन करने जा रही है। नुक्कड़ सभाओं में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मल्याणा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप संजौली चौक, संजय सूद भराड़ी, राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी कैथू, राज्यसभा सांसद डॉ सिकंदर कुमार फागली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार राम बाजार, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक राकेश जम्वाल जाखू, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज अप्पर ढली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल पंथाघाटी, प्रदेश महामंत्री एवं विधायक त्रिलोक जम्वाल पटयोग और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी न्यू शिमला में उपस्थित रहेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने आज नगर निगम चुनाव के तहत राम बाजार में पार्टी प्रत्याशी सुषमा कुठियाला के कार्यालय का शुभारंभ किया। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं जीत के लिए एकजुटता के साथ चुनाव प्रचार में जुटने को कहा। इस दौरान उनके साथ मुख्य ससंदीय सचिव आशीष बुटेल, शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा,पूर्व विधायक आदर्श सूद , कांग्रेस उपाध्यक्ष विनीत गौतम,वार्ड प्रत्याशी सुषमा कुठियाला ,संजीव कुठियाला,दवेंद्र शर्मा, हरजीत सिंह मंगा, सुमित गौतम व इस क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि शिमला शहर के विकास के लिए नगर निगम में कांग्रेस का आना बहुत ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा शासित नगर निगम लोगों की समस्याओं को दूर करने में पूरी तरह असफल रहा हैं। उन्होंने लोगों से सुषमा कुठियाला को फिर से भारी मतों से जिताने का आह्वान किया। प्रतिभा सिंह कल 10 बजे बेनमोर वार्ड में नरसिंग कॉलेज के समीप कांग्रेस प्रत्याशी कुमारी शिनम कटारिया के पक्ष में नुक्कड़ सभा करेंगी व दोपहर बाद 2 बजे जाखू में पार्टी प्रत्याशी अतुल शर्मा के पक्ष में पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक करेंगी। इस दौरान वह यहां पार्टी कार्यालयों का भी शुभारंभ भी करेंगी।
भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर में नगर निगम चुनावों की दृष्टि से जोन प्रभारी, प्रवासी प्रभारी, सह प्रवासी प्रभारी और वार्ड प्रभारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, नगर निगम चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, सुरेश भारद्वाज, गोविंद ठाकुर, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, राकेश जम्वाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, संगठन महामंत्री पवन राणा, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष विपिन परमार, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा उपस्थित रहे।
शिमला नगर निगम के चुनावों के लिए कसुम्पटी वार्ड नंबर 27 लिए प्रभारी जोगिंदर नगर के विधायक प्रकाश राणा ने प्रचार अभियान के दौरान जनता से कहा कि शिमला स्मार्ट सिटी को आगे बढ़ाने का काम केंद्र की मोदी सरकार द्वारा किया गया है और प्रदेश की पूर्व जयराम सरकार द्वारा किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में शिमला में भाजपा रही तो 3 फेस से विकास का कार्य हुआ। अब जनता नगर निगम में भाजपा को लेकर के आए तो हम केंद्र के मोदी सरकार के सहयोग से शिमला स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाएंगे, स्मार्ट सिटी के विकास को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता को यह पता है कि केंद्र सरकार से ही स्मार्ट सिटी के लिए फंड आना है। उन्होंने कहा कि हम केंद्र सरकार से फंड ले करके आएंगे, शिमला के विकास को आगे बढ़ाएंगे ,इसलिए जनता शिमला नगर निगम में भाजपा को जीता कर आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी में जनता की समस्याओं को हल करने का काम किया जाएगा, विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। भाजपा ने मजबूत प्रत्याशी महिला नेत्री रचना झीना शर्मा को उम्मीदवार बनाया है ,जो लगातार कड़ी मेहनत कर वार्ड विकास का दृष्टिकोण लेकर के आगे बढ़ रही है। उन्होंने भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा एक टीम के रूप में काम करने पर सराहना भी की। मेरा लक्ष्य वार्ड को आगे बढ़ाना : रचना इस दौरान रचना झीना शर्मा ने कहा कि वार्ड की समस्याओं को जहां हल किया जाएगा। वहीं मेरी प्राथमिकता रहेगी कि पानी, परिवहन के साथ-साथ जन सुविधाओं का इजाफा किया जाए। उन्होंने वार्ड की बेसिक समस्याओं को हल करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं मिले, सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, नगर निगम की सुविधाएं वार्ड तक पहुंचे ऐसा मेरा प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए जी जान एक करूंगी, जनता के साथ मिलकर हर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुसुम्पटी वार्ड को सुंदर बनाने के साथ-साथ जागरूकता अभियान के साथ वार्ड में से सामाजिक कुरीतियों को कैसे दूर किया जा सकता है? नशे जैसी समस्या को कैसे हम काबू पा सकते हैं? इस पर वार्ड के मतदाताओं निवासियों को साथ लेकर के घर-घर अभियान चलाने का काम किया जाएगा। रचना झीना शर्मा ने कहा की वार्ड की स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो, इसके लिए स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन, डिस्पेंसरी का बेहतर होना ,चिकित्सा सुविधाएं अच्छी मिले इस सब के लिए प्राथमिकता पर काम करना मेरी पहल होगी। रचना ने कहा कि शिमला नगर निगम स्मार्ट सिटी है और स्मार्ट सिटी का स्मार्ट वार्ड का कुसुम्पटी बनाया जाए यह मेरी मेरा लक्ष्य रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी के मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मेनिफेस्टो को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा हुई, जल्द ही इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। बैठक में कहा गया कि शिमला शहर के लिये आम लोगों से जो लिखित सुझाव मांगे गए थे उन पर विचार करने के बाद उन्हें भी मेनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा। बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक हरीश जनारथा, आशीष बुटेल कांग्रेस महासचिव यशवंत छाजटा, अमित पाल सिंह व देवेंद्र बुशेहरी ने भाग लिया।
राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित सहायक कमांडेंट जितेंद्र सिंह कवंर ने आज मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं कांगड़ा सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिपहिया के निधन पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की तथा ईश्वर से परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की प्रार्थना की। अपने शोक संदेश में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जगदीश सिपहिया कांग्रेस पार्टी के सच्चे सिपाही थे और पार्टी में उनकी कमी हमेशा महसूस होगी। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और शुक्रवार को चंडीगढ़ के एक अस्पताल में उनका निधन हुआ।
शिमला जिला के रामपुर बुशहर के बाल कलाकार मास्टर भाविक राजा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गीत तैयार किया है, जिसे मास्टर भाविक के अलावा प्रसिद्ध गायक डॉ. कपिल शर्मा ने भी अपनी आवाज़ दी है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार देर सांय इस गीत को रिलीज़ किया। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, विधायक रवि ठाकुर, हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय बचत राज्य सलाहकार बोर्ड के उपाध्यक्ष प्रकाश चन्द कराड़ तथा प्रदेश कांग्रेस सचिव गिन्नी चौहान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश विधान सभा के माननीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कांगड़ा कॉ-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष जगदीश सिपहिया के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में पठानिया ने कहा कि जगदीश सिपहिया 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में सुलह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़े थे तथा पूर्व में कांगड़ा कॉ-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष रह चुके थे। जगदीश सिपहिया कांग्रेस सेवादल के एक अनुशासित नेता भी रहे थे। पठानिया ने कहा कि जगदीश सिपहिया जमीनी स्तर से जुड़े नेता थे। वे एक प्रखर वक्ता थे तथा सीधे तौर पर गरीबों, असहायों तथा समाज में पिछड़े तपकों से जुड़े थे। उनके निधन से प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। पठानिया ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है तथा संपूर्ण परिवार को इस असहनीय दु:ख को सहन करने की परम पिता परमात्मा से प्रार्थना की है व दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है।
शिमला नगर निगम के चुनावों के लिए कसुम्पटी वार्ड नंबर 27 के प्रभारी जोगिंदरनगर के विधायक प्रकाश राणा ने कसुम्पटी वार्ड में प्रचार अभियान को गति दी है । प्रकाश राणा भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी रचना झीना शर्मा व उनकी टीम के साथ स्वयं घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। प्रकाश राणा ने वार्ड नंबर 27 में घर-घर पहुंचकर जनता के साथ संपर्क साधा और जनता से शिमला नगर निगम के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का आग्रह किया । उन्होंने कहा कि कसुम्पटी वार्ड के विकास के लिए रचना झीना शर्मा को समर्थन दें ,निश्चित रूप से बेहतरीन प्रत्याशी हैं, जुझारू है और जनता की आवाज को उठाएंगी। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी को आगे बढ़ाने के लिए रचना झीना शर्मा को पार्षद बनाएं। इस अवसर पर प्रकाश राणा ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया ,उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए झूठी गारंटियों को दिया अब जनता पछता रही है। उन्होंने कहा कि युवा, महिला, किसान ,बागवान हर वर्ग के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की सरकार गारंटी शिमला में देने बात कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दी गई गारंटीया पूरी की नही और शिमला नगर निगम की जनता को गारंटी देने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा की जनता कांग्रेस की असलियत जान गई है इसलिए किसी बहकावे में नहीं आएगी, जनता को पता है कि शिमला का विकास भारतीय जनता पार्टी ने किया है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से भारतीय जनता पार्टी पुनःशिमला नगर निगम पर काबिज होगी और पूर्ण बहुमत के साथ है नगर निगम बना करके शिमला स्मार्ट सिटी को और आगे विकास में बढ़ाया जाएगा । इस अवसर पर कसुम्पटी की प्रत्याशी रचना झीना शर्मा ने कहा कि जनता का आशीर्वाद स्नेह, जिस प्रकार से मिल रहा है ,निश्चित रूप से उससे हौसला बढ़ा है ।उन्होंने कहा कि मैं वार्ड के विकास के लिए मैदान में हूं और जनता की आवाज को उठाने के लिए मैदान में हूँ । उन्होंने कहा कि वार्ड की समस्याओं को हल करना और कसुम्पटी को शिमला शहर का स्मार्ट कार्ड बनाना मेरा लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ मिले,शिमला नगर निगम से अधिक से अधिक बजट अपने वार्ड के लिए लाकर के विकास कार्य करवाना ,जनता ने जो समस्याएं बताई हैं उनका हल करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। इस अवसर पर कसुम्पटी वार्ड भारतीय जनता पार्टी की टीम व कार्यकर्ता भी प्रचार में उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को 15 दिनों के भीतर ड्रोन के उपयोग के संबंध में प्रस्तावित नियम प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यहां विभाग की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों की सुविधा और निगरानी व्यवस्था के लिए विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर ड्रोन सक्षम शासन शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने ड्रोन कंपनी के सहयोग से चंबा, कुल्लू और मंडी जिलों में चिकित्सा क्षेत्र से संबंधित परीक्षण किया है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ड्रोन संचालन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग नोडल एजेंसी होगी और संबंधित जिलों के उपायुक्त ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करने के इच्छुक संबंधित विभाग को सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि उपायुक्त ड्रोन हब विकसित करने के लिए स्थानों को चिन्हित करेंगे और इससे विभागों के कामकाज में भी दक्षता आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति लाइनों के पर्यवेक्षण, कृषि, बागवानी, स्वास्थ्य, सड़क संबंधी निगरानी, पर्यटकों की आवाजाही की निगरानी, अवैध खनन और पेड़ों की अवैध कटाई जैसे क्षेत्रों की निगरानी में ड्रोन प्रौद्योगिकी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक विशेषकर राज्य के बर्फीले क्षेत्रों में अधिक उपयोगी साबित होगी। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राजस्व, वन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, तकनीकी शिक्षा और शिक्षा विभाग के 68 अधिकारियों सहित 189 लोगों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का पहला ड्रोन फ्लाइंग ट्रेनिंग स्कूल आईटीआई शाहपुर में संचालित किया जा है और ड्रोन तकनीशियन कोर्स सात राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों मंडी, सिरमौर, शिमला, कांगड़ा, सोलन (2 आईटीआई) और कुल्लू जिलों में शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री ने विभाग की विभिन्न नवाचार पहल की भी समीक्षा की और लोगों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर विभिन्न विभागों की सभी हेल्पलाइनों को मुख्यमंत्री सेवा संकल्प-1100 हेल्पलाइन के साथ एकीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग को राज्य के डिजिटल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए। राज्य सरकार लोगों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से विभिन्न सेवाओं में नवीनतम तकनीक शामिल करने को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक विनय कुमार, नीरज नैय्यर, अजय सोलंकी, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी अभिषेक जैन, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी मुकेश रेपसवाल और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
नामांकन वापिस के अंतिम दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला नगर निगम के एक और प्रत्याशी को कांग्रेस के पक्ष में लाने में सफल रहे। वार्ड 34 कनलोग से निर्दलीय प्रत्याशी आशा सूद ने आज मुख्यमंत्री सिंह से भेंट की तथा कांग्रेस की नीतियों एवं कार्यक्रमों में आस्था व्यक्त करते हुए पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में अपना नामांकन वापिस ले लिया। आशा सूद ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में लोगों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि इसलिए उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने का निर्णय लिया है।
हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय प्रवास के उपरांत आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को मशोबरा स्थित कल्याणी हेलीपैड पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गरिमापूर्ण विदाई दी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और प्रशासनिक, पुलिस व सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय चौड़ा मैदान शिमला की 'कोटशेरा एलुमनी एसोसिएशन' की आम सभा का आज आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा गर्ग द्वारा की गई। इस आम सभा में हिमाचल प्रदेश सोसायटी रजिस्ट्रेशन एक्ट, 2006 के प्रावधानों के अनुरूप एसोसिएशन की गवर्निंग बॉडी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से दिनेश ठाकुर को एसोसिएशन का अध्यक्ष, अनिल भारद्वाज को उपाध्यक्ष, डॉ. पीएल वर्मा को सचिव, पंकज शर्मा को सह-सचिव, विपिन कुमार को कोषाध्यक्ष तथा डॉ. प्रेम लाल, डॉ. नीरज शांडिल, चेतना शर्मा व दिनेश शर्मा को कार्यकारिणी सदस्य चयनित किया गया। प्राचार्य डॉ. अनुपमा गर्ग ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी तथा आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व छात्र संगठन का महाविद्यालय के विकास में बहुआयामी योगदान रहता है। इस अवसर पर महाविद्यालय के सह-आचार्य डॉ. पंकज बसोटिया, डॉ. सुनीता शर्मा, डॉ. गोपाल संघाइक, डॉ. आरती चौहान, डॉ. अजीत ठाकुर इत्यादि भी मौजूद थे।
मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की उपस्थिति में आज यहां प्रदेश सरकार की ओर से हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद तथा शूलिनी विश्वविद्यालय के मध्य शिमला के समीप शोघी में साइंस, लर्निंग एंड क्रिएटिविटी सेंटर में स्टेट-ऑफ-द-आर्ट सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए एक समझौता हस्ताक्षरित किया गया। परिषद के सदस्य सचिव ललित जैन ने प्रदेश सरकार की ओर से तथा शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अतुल खोसला और रजिस्ट्रार प्रो. सुनील पुरी ने विश्वविद्यालय की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर किए। ललित जैन ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद द्वारा शोघी में साईंस, लर्निंग एंड क्रिएटिविटी सेंटर स्थापित किया गया है। इस केंद्र में विद्यार्थियों को किताबों में पढ़े गए विज्ञान के सिद्धांतों का व्यवहारिक तौर पर अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। यहां प्रस्तावित स्टेट ऑफ द आर्ट सुविधाओं से छात्रों में विज्ञान के प्रति और जिज्ञासा पैदा करने के साथ ही उनकी सृजनात्मक क्षमता को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शूलिनी विश्वविद्यालय की सहभागिता से विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक ज्ञान को व्यवहारिक रूप में ढालने में मदद मिलेगी और उनकी सीखने की क्षमता में भी वृद्धि करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विज्ञान की शिक्षा को बढ़ावा देने में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और विद्यार्थियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर परिषद के संयुक्त सदस्य सचिव सतपाल धीमान, शूलिनी विश्वविद्यालय के डीन ऑफ अंडरग्रेजुएट स्टडीज़ डॉ. केसरी, प्रति-कुलाधिपति विशाल आनंद सहित हिमाचल प्रदेश औद्योगिक विकास बोर्ड के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास, जिसे पूर्व मेे ‘प्रेजीडेंशियल रिट्रीट’ कहा जाता था, आम जनता के लिए खोलने की आधिकारिक रूप से घोषणा की। आगामी 23 अप्रैल से आम लोग राष्ट्रपति निवास का भ्रमण कर सकेंगे। राष्ट्रपति द्वारा आज अपने आधिकारिक निवास पर ‘एट होम’ का भी आयोजन किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल व लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल तथा मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ‘एट होम’ में शामिल हुए। प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य संसदीय सचिव, विधायकगण, विभिन्न बोर्ड एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रतिष्ठित वरिष्ठ नागरिक, प्रदेश पुलिस व प्रशासन के अधिकारी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं शहर के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी ‘एट होम’ समारोह में उपस्थित रहे।
शिमला नगर निगम के इंजन घर वार्ड से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार और कांगनाधार से आजाद उम्मीदवार नीलम वर्मा कांग्रेस में शामिल हो गए। वीरवार को दोनों उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सूक्खु से मुलाकात करने के उपरांत पार्टी ज्वाइन की। शुक्रवार को ये अपना-अपना नामांकन वापस ले लेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने दोनों उम्मीदवारों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें कांग्रेस पार्टी की नीतियां जन-जन तक पहुंचाने को कहा। सुखविंदर सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने के साथ नगर निगम चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने को कहा। सुधीर कुमार ने कहा कि जिस तरह से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 3 माह के कार्यकाल में महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, उनको देखते हुए उन्होंने कांग्रेस का दाम थामा है। वहीं कंगनाधार से नीलम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलने के बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी के पक्ष में अपना नामांकन वापिस लेने का निर्णय लिया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शिमला नगर निगम चुनाव के मद्देनजर तीन प्रवक्ताओं को नियुक्त किया है। नियुक्त किए गए प्रवक्ताओं में वरिष्ठ राज्य प्रवक्ता एसएस जोगटा, जीएस तोमर और संजीता चौहान शामिल हैं। विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने के मद्देनजर HPPC ने तीनों पार्टी प्रवक्ताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष एवं सांसद रानी प्रतिभा सिंह के अनुमोदन पर सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला जी ने नया दायित्व सौंपा है।प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने अधिसूचना जारी कर तीनों प्रवक्ताओं को अपना दायित्व निभाने के आदेश दिए है। शिमला नगर निगम चुनाव से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए वरिष्ठ प्रवक्ता एसएस जोगटा को 9418203330, संजीता चौहान को 8219672928 और जीएस तोमर को 9805288090 नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
नगर निगम शिमला के वार्ड नंबर 27 कुसुम्पटी से भाजपा प्रत्याशी रचना झीना शर्मा ने नामांकन पत्र भरने के बाद अपने चुनाव प्रचार को तेज कर दिया है। वीरवार को रचना झीना शर्मा ने वार्ड में समर्थकों संग डोर टू डोर जाकर मतदाताओं से संपर्क साधा। इस दौरान रचना झीना शर्मा ने कहा कि वार्ड की समस्याओं को जहां हल किया जाएगा, वहीं मेरी प्राथमिकता रहेगी कि पानी, परिवहन के साथ-साथ जन सुविधाओं का इजाफा किया जाए। उन्होंने वार्ड की बेसिक समस्याओं को हल करना प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं मिले, सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, नगर निगम की सुविधाएं वार्ड तक पहुंचे, ऐसा उनका प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास के लिए जी जान एक करूंगी, जनता के साथ मिलकर हर संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुसुम्पटी वार्ड को सुंदर बनाने के साथ-साथ जागरूकता अभियान के साथ वार्ड में से सामाजिक कुरीतियों को कैसे दूर किया जा सकता है? नशे जैसी समस्या को कैसे हम काबू पा सकते हैं ? इस पर वार्ड के मतदाताओं निवासियों को साथ लेकर के घर-घर अभियान चलाने का काम किया जाएगा रचना झीना शर्मा ने कहा की वार्ड की स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर हो, इसके लिए स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन, डिस्पेंसरी का बेहतर होना ,चिकित्सा सुविधाएं अच्छी मिले इस सब के लिए प्राथमिकता पर काम करना मेरी पहल होगी। रचना ने कहा कि मतदाताओं से वार्ड की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली जा रही। वार्ड के प्रमुख कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति भी चुनाव प्रचार के दौरान साथ उपस्थित रह रहे है। रचना झीना शर्मा ने कहा कि कुसुम्पटी से मैं भलीभांति परिचित हूं ,इसी वार्ड में बचपन से लेकर अब तक तो सक्रिय रूप से काम कर रही हूं। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से इस वार्ड में जो समस्याएं हैं उनके हल के लिए और तेजी के साथ प्रयास हो इसके लिए जरूरी कदम व आवाज उठाना जरूरी है । रचना ने कहा कि शिमला नगर निगम स्मार्ट सिटी है और स्मार्ट सिटी का स्मार्ट वार्ड का कुसुम्पटी बनाया जाए यह मेरा लक्ष्य रहेगा।
ठियोग विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ने वाले नारकंडा के जदून पंचायत में बीते रोज हुई ओलावृष्टि से सेब के पौधों को काफी नुकसान हुआ है। सेब के पौधों पर इन दिनों फ्लावरिंग पूरी तरह हो चुकी है, लेकिन भारी ओलावृष्टि से फूल झड़ गए हैं। सेब की टहनियां भी ओलावृष्टि से प्रभावित हुई हैं। ठियोग से विधायक व कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने राज्य सरकार से बागवानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। प्रेस को जारी बयान में विधायक कुलदीप राठौर ने कहा कि सेब की फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार उचित मुआवजा दे। उन्होंने कहा कि बागवानी विभाग की एक टीम को ऊपरी शिमला में निरीक्षण के लिए भेजा जाए। कहां पर कितना नुकसान हुआ है उसका आकलन करें व पूरी रिपोर्ट तैयार करें। उन्होंने कहा कि सेब ऊपरी शिमला के लोगों की आर्थिकी व जीवन यापन का मुख्य जरिया है। साल भर की फसल सेब ही है। बागवान दिन रात इसमें मेहनत करते हैं, लेकिन मौसम की मार के चलते अकसर उन्हें नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर तो सेब के पौधे भी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि विभाग को निर्देश देकर तुरंत एक टीम जायजा लेने के लिए वहां पर भेजी जाए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिमला के अपने चार दिवसीय प्रवास के दौरान आज भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान का दौरा किया। इस अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने संस्थान में पिक्चर गैलरी, पुस्तकालय, तत्कालीन संरक्षित कार्यालयों और मुख्य भवन के प्रांगण का अवलोकन किया। इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष प्रो. शशि प्रभा कुमार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति एवं संस्थान के निदेशक प्रो. नागेश्वर राव, उपाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र राज मेहता और सचिव सुब्रत कुमार प्रधान ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस अवसर पर मिनिस्टर इन वेटिंग, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
भाजपा चुनाव प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश से विधायक श्रीकांत शर्मा का भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर पहुंचने पर सुखराम चौधरी, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद, रवि मेहता, गणेश दत्त, रूपा शर्मा, चेतन ब्रागटा, डेजी ठाकुर, प्यार सिंह कंवर, शिशु भाई धर्मा, कर्ण नंदा, सुशील राठौर ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत एक बैठक का आयोजन किया गया जिसमें उन्होंने नगर निगम चुनावों के लेकर फीडबैक ली। बैठक में सुखराम चौधरी, पवन राणा, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद, गणेश दत्त, रूपा शर्मा, शिशु भाई धर्मा, चेतन ब्रागटा और रवि मेहता उपस्थित रहे। सुखराम चौधरी ने कहा भाजपा नगर निगम शिमला का चुनाव गंभीरता ने चुनाव लड़ रही है, चुनावों में पार्टी द्वारा हर वार्ड के लिए अलग-अलग योजना तैयार की गई है और भाजपा द्वारा प्रचार जोरों-शोरों से हर वर्ड में चल पड़ा है। कहा कि इन चुनावों में सबसे बड़ा मुद्दा विकास का है और भाजपा विकास के मुद्दे को लेकर ही चुनाव लड़ रही है, शिमला शहर को स्मार्ट सिटी से बड़ा लाभ हुआ है और यह योजना भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकार की लाई गई थी। इन नगर निगम चुनावों में लोग कांग्रेस की सरकार को जवाब देने को तैयार है उन्होंने कहा कि शिमला शहर की पानी की समस्या को सॉल्व करने के लिए भाजपा की सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से काम किया और इसके लिए 35 करोड की योजना भाजपा द्वारा लाई गई थी। शिमला शहर में भाजपा की सरकार के दौरान ढली संजौली में दूसरी टनल का निर्माण भी हुआ, कई पैदल चलने के रास्तों का भी निर्माण किया गया। अगर देखा जाए तो पिछले 4 महीने में शिमला शहर में कांग्रेस पार्टी द्वारा कोई काम नहीं किया गया, केवल झूठी गरंटियो का गुण गान किया गया उन्होंने कहा की भाजपा डैमेज कंट्रोल को लेकर पूर्ण रूप से काम कर रही है और बहुत से लोग अपने नॉमिनेशन वापस भी लेंगे। आने वाले समय में चुनाव प्रचार के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप मैदान में प्रचार करेंगे।
भाजपा चुनाव प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश से विधायक श्रीकांत शर्मा का भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर पहुंचने पर सुखराम चौधरी, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद, रवि मेहता, गणेश दत्त, रूपा शर्मा, चेतन ब्रागटा, डेजी ठाकुर, प्यार सिंह कंवर, शिशु भाई धर्मा, कर्ण नंदा, सुशील राठौर ने उनका स्वागत किया। इसके उपरांत एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने नगर निगम चुनावों के लेकर फीडबैक ली। बैठक में सुखराम चौधरी, पवन राणा, त्रिलोक जम्वाल, संजय सूद, गणेश दत्त, रूपा शर्मा, शिशु भाई धर्मा, चेतन ब्रागटा और रवि मेहता उपस्थित रहे।
हिमाचल सरकार का जी20 सम्मेलन के माध्यम से हिमाचली उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग का प्रयास सफल होता नजर आ रहा है। प्रदेश सरकार की ओर से आयोजन स्थल पर लगाई गई हिमाचली उत्पादों की प्रदर्शनी में विदेशी मेहमानों ने खूब रूचि ली। डेलीगेट्स और उनके साथ परिजनों ने प्रदर्शनी व बिक्री काउंटरों पर न सिर्फ इन उत्पादों के बारे में जानकारी ली, बल्कि जमकर खरीदारी भी की। बता दें, आयोजन स्थल पर हथकरघा-हस्तकला से जुड़े उत्पाद रखे गए थे। इसके अलावा आईएचबीटी पालमपुर और कृषि विश्वविद्यालय द्वारा साइंस-प्रौद्योगिकी के नवाचार से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई थी। डीआरडीए कांगड़ा की ओर से लगाए गए स्टॉल में मिशन धनवंतरि के अंतर्गत तैयार हर्बल उत्पाद रखे गए थे। उनमें प्रमुखता से तुलसी और कैमोमाइल आधारित प्रोडक्ट्स थे। वहीं इसी स्टॉल में स्थानीय एनजीओ द्वारा तैयार गिलोय उत्पाद और कुल्लवी हस्तकला के ऊनी वस्त्र रखे गए थे। डीआरडीए द्वारा लगाए अपना कांगड़ा स्टॉल में आचार, चटनी और पहाड़ी चुख को भी बिक्री के लिए रखा गया था। वहीं हैंडीक्राफ्ट और हैंडलूम के स्टॉल में हिमाचली हस्तशिल्प और हथकरघा को प्रदर्शित करते उत्पादों ने डेलिगेट्स का ध्यान आकर्षित किया। यहां पर चंबा थाल, चंबा रूमाल, चम्बा चप्पल के साथ साथ विभिन्न हिमाचली परिधानों को जी20 डेलीगेट्स ने बेहद पसंद किया। विदेशी मेहमानों ने हिमाचली हस्तशिल्प और परंपरागत हस्तकला से सुसज्जित इन परिधानों को पहन कर तस्वीरें भी लीं। वहीं स्टॉल में प्रदर्शित कांगड़ा पेंटिंग्स देख कर डेलीगेट्स ने हिमाचली कला की भूरि भूरि प्रशंसा की। आयोजन स्थल पर टी बोर्ड ऑफ इंडिया द्वारा भी अपना स्टॉल स्थापित किया गया है। यहां पर कांगड़ा टी के साथ-साथ विभिन्न जायकों की चाय बिक्री के लिए रखी गई है, जिन्हें विदेशी महमान खूब पसंद कर रहे हैं। हर्बल उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सीएसआईआर द्वारा यहां स्टॉल स्थापित किया गया है। इसके साथ ही कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर ने ‘श्री अन्न’ (मोटे अनाज) का स्टॉल होटल रेडिसन ब्लू में लगाया है। इसके अलावा कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अभिनव तरीकों से तैयार किए गए विभिन्न पौष्टिक पशु आहार को भी वहां प्रदर्शित किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित 26वें दीक्षांत समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। दीक्षांत समारोह को संबोधित भी किया और गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना की। दीक्षांत समारोह में 99 विद्यार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई, जिनमें 59 छात्राएं एवं 40 छात्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 111 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जिनमें 34 छात्र एवं 77 छात्राएं शामिल हैं। इससे पहले, राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने सभी उपाधिधारकों और स्वर्ण पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में इस दीक्षांत समारोह का आयोजन हम सबके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस शिक्षण संस्थान में ज्ञान अर्जित करना विद्यार्थी जीवन का एक महत्वपूर्ण अवसर है और अब औपचारिक शिक्षा ग्रहण करने के उपरांत वे इस ज्ञान को व्यावहारिक रूप से अपनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह खुशी की बात है कि राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) द्वारा इस विश्वविद्यालय को पुनः ए-ग्रेड प्रदान किया गया है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय देश का एक अग्रणी संस्थान है और समस्त भारत सहित देश-विदेश से भी विद्यार्थी यहां उच्चतर शिक्षा और अनुसंधान कार्य के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का गौरवमयी इतिहास है और यहां से शिक्षा अर्जित करने के उपरांत विद्यार्थी राष्ट्र और विश्व स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सेवाएं प्रदान कर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिकाऊ एवं मज़बूत अर्थव्यवस्था के साथ आज भारत विश्व के समृद्ध राष्ट्रों में शुमार होने की दिशा में अग्रसर हैं। संपूर्ण विश्व भारत को एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति के रूप में देख रहा है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि इस बुराई के विरुद्ध विद्यार्थियों और युवाओं को साथ लेकर व्यापक अभियान शुरू करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि आज भारत दुनिया के अग्रणी 20 देशों के समूह (जी-20) की अध्यक्षता कर रहा है। ‘एक धरती-एक परिवार-एक भविष्य’ की अवधारणा एक दिन में स्थापित नहीं की जा सकती है। यह हमारी सोच एवं स्वभाव में प्रतिबिंबित होती है। उन्होंने कहा कि हमारी इन परंपराओं एवं संस्कृति को विस्तार देने में हमारे विश्वविद्यालय ऐसे विचारों के संवाहक बनें।
प्रदेश के सभी क्षेत्रों के तीव्र विकास एवं कार्यक्षमता में सुधार के दृष्टिगत राज्य सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में ड्रोन प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहित करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। पिछले कुछ वर्षों से ड्रोन विभिन्न व्यावसायिक एवं सरकारी संगठनों की गतिविधियों में निगरानी व अन्य कार्यों के लिए एक प्रभावी उपकरण बन चुका है। रक्षा से लेकर कृषि एवं उद्योग इत्यादि विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन प्रौद्योगिकी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस तकनीक से जरूरत के समय वस्तुओं की त्वरित आपूर्ति सुनिश्चित हुई है, वहीं सैन्य गतिविधियों में दूरस्थ अथवा मानव की पहुंच से दूर स्थलों की पहचान एवं निगरानी इत्यादि में भी यह सहायक है। इससे दुर्गम क्षेत्रों में समयबद्ध एवं कुशलतापूर्वक विभिन्न कार्य संपन्न करना भी संभव हुआ है। यह तकनीक भवन व अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े इंजीनियरों के लिए सटीक गणना एवं डिजाइन इत्यादि में भी उपयोगी सिद्ध हो सकती है। सरकारी निर्माण एजेंसियों को भी कम अवधि में अपने कार्यों की विभिन्न कोणों से निरीक्षण एवं सर्वेक्षण की सुविधा इससे प्राप्त हो सकेगी। बहुमंजिला भवनों के प्रभावी एवं सुविधाजनक निरीक्षण एवं पुनः निरीक्षण में भी उनके लिए ड्रोन उपयोगी हैं। इसके उपयोग से इंजीनियर सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के दौरान और अधिक दक्षता एवं सुगमता के साथ कार्य कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त यह तकनीक विद्युत लाइनों, जलापूर्ति पाइप और गैस पाइप लाइनों, पुलों के ढांचों इत्यादि के सुरक्षा से संबंधित विभिन्न निरीक्षणों में भी उपयोगी है। यूएवी (अज्ञात वायु वाहन), लघु पायलट रहित एयरक्राफ्ट अथवा उड़ते हुए मिनी रोबोट जैसे विभिन्न नामों से ड्रोन तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। हालांकि यह तकनीक अभी अपने शुरुआती दौर में है। फिर भी इसने कई बाधाओं से पार पाते हुए उद्योग क्षेत्र में ऐसे प्रौद्योगिकी नवाचारों को राह दिखाई है जो किसी समय असंभव प्रतीत होते थे। प्रदेश में ड्रोन नीति बनाई जा चुकी है परंतु इसे पूरी तरह से अपनाने एवं व्यवहारिक तौर पर उपयोग में लाने की दिशा में बहुत कुछ किया जाना शेष है। मुख्यमंत्री का मानना है कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत ड्रोन सबसे दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचने की क्षमता रखते हैं और इसके लिए न्यूनतम ऊर्जा, श्रम, समय और मानव संपदा की आवश्यकता होगी। कृषि क्षेत्र में ड्रोन तकनीक का उपयोग करते हुए किसानों के समय एवं श्रम की बचत करते हुए अपेक्षित परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। यह नई तकनीक खनन, कानून प्रवर्तन, कृषि, बागवानी, अपराध नियंत्रण, लॉजिस्टिक्स, बचाव कार्यों, निगरानी, वनों एवं वन्य जीवों के संरक्षण इत्यादि विभिन्न क्षेत्रों में पेशेवरों के कार्यों को सुगम बना सकती है।
हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पड़ रही गर्मी से लोगों को आज निजात मिल गई है। शिमला सहित प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने से लोग गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की तरफ से बारिश और ओलावृष्टि की संभावना पहले ही जता दी गई थी। ताजा बारिश से राजधानी शिमला का मौसम काफी सुहावना हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 21 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान कुछ जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई थी। ऊना में बीते कल 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
किन्नौर, लाहुल-स्पीति, कुल्लू और आस-पास के ट्राइबल क्षेत्र के लोग हिमाचली टोपी पर सफ़ेद फूल लगाते है। क्या आप जानते है यह कौन सा फूल है? दरअसल ये फूल जैसा दिखने वाला एक बीज है। हालांकि इस का पौधा उन क्षेत्रों में नहीं मिलता है जहाँ ये फूल स्थानीय लोगों की पोशाक का एक अनिवार्य हिस्सा हैं। इस पेड़ का नाम है ओरोक्सिलम सिग्नम जिसे अरलू या टाट पटनगा भी कहा जाता है। यह बीज बड़ी तलवार के आकार की फली में मौजूद होते हैं। इसका प्रयोग ट्राइबल क्षेत्र के हिंदू और बौद्ध धर्म से जुड़े लोग भी करते है। सफेद फूल के बिना किन्नौरी टोपी की शान अधूरी मानी जाती है। इसे किन्नौर में ख्वार और सिरमौर में टाट पटनगा के नाम से जाना जाता है। देश-विदेश में पहचान पाने वाली किन्नौरी टोपी पर सफेद फूल किन्नौर में न होकर जिला सिरमौर के मैदानी क्षेत्रों में पाए जाते हैं। इस फूल को किन्नौर में ख्वार और चाम्खा, सोलन में टाट मरंगा जबकि सिरमौर में टाट पटनगा के नाम से जाना जाता है। अरलू एक छोटा से मध्यम आकार का पर्णपाती पेड़ है जो 12 मीटर की ऊंचाई तक बढ़ता है। हैरानी की बात है कि यह समशीतोष्ण क्षेत्र का पौधा नहीं है। यह लगभग सभी उपोष्णकटिबंधीय भारत में 1,200 मीटर की ऊंचाई तक बढ़ता है। इसमें बड़े यौगिक पत्ते होते हैं, जो कभी-कभी एक मीटर लंबा भी हो सकता है। पेड़ बड़े बैंगनी फूल धारण करता है। फली बड़ी, 60-90 सेमी लंबी और तलवार के आकार की होती है। ये फली के अंदर पंखों की तरह होते है। इसे निकालने के लिए चाकू से खोल दिया जाता है। इसके बाद इसे पिरोने के लिए पेटल्स को बीच में रखकर गेहूं के तनों से घुमाकर गुथ की तरह बनाया जाता है, जिसे स्थानीय भाषा में "तेकेमा" कहा जाता है। इसके बाद इसमें पसंद अनुसार बखरी कान को सम्मिलित किया जाता है जिसे वैज्ञानिक रूप से "चोरिज़िया स्पीसीओसा" के नाम से जाना जाता है। बखरी कान कपास की गेंदों का प्रतिबिंब देती हैं। इन्हें गेंद के रूप में टैग करके बनाया जाता है और विभिन्न रंगों में रंगा जाता है। इस सफेद फूल और बकरी कान से बने फूल के बिना हिमाचली टोपी की शान अधूरी मानी जाती है।
शिमला नगर निगम चुनावों में हॉट सीट माने जाने वाली संजौली चोक से भाजपा ने फिर से पूर्व महापौर सत्या कौंडल को चुनावी मैदान में उतारा है। मंगलवार को ढोल नगाड़ों ओर दल बल के साथ सत्या कौंडल नामांकन भरने उपायुक्त कार्यालय पहुंची। इस दौरान पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर चेतन बरागटा सहित कई नेता उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन भरने के बाद सत्या कौंडल ने फिर से जीत की हुंकार भरी। उन्होंने कहा कि पूर्व नगर निगम में शिमला शहर में विकास कार्य हुए हैं और स्मार्ट सिटी के तहत शिमला शहर का नक्शा बदला है। शहर में पार्किंग ओवरब्रिज लिफ्ट सहित कई कार्य किए गए हैं और संजौली रोड में भी विकास कार्य किए गए हैं। ऐसे में उन्हें पूरा विश्वास है कि संजौली की जनता फिर से उन्हें गीता कर भेजेगी और फिर से शहर में भाजपा का नगर निगम पर कब्जा होगा इसी दौरान पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि शिमला में नगर निगम चुनाव होने जा रहे हैं और भाजपा को पूरा विश्वास है कि शिमला की जनता फिर से भाजपा का साथ देगी और शिमला नगर निगम में भाजपा का कब्जा होगा। वहीं उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि 4 महीने में ही सुख की सरकार से लोगों का मोहभंग हो गया है और इन चुनावों में शिमला के लोग भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान कर दोबारा से इतिहास रचेंगे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को ‘डिजिटल नवाचारों में प्रगतिशील राज्य’ का द्वितीय सराहना पुरस्कार प्राप्त करने पर शुभकामनाएं दी हैं। कम्प्यूटर सोसायटी ऑफ इंडिया विशेष रूचि समूह द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी तथा ई-गर्वेनेंस को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल प्रदेश को हाल ही में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने सराहनीय कार्य करने के लिए आईटी विभाग की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के ‘डिजिटल इंडिया’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व दक्षता लाने के लिए सरकार ने कई ऑनलाइन कार्यक्रम शुरू किए हैं। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सचिवालय, निदेशालयों और उपायुक्त कार्यालयों में ई-ऑफिस का उपयोग शीघ्र ही सुनिश्चित किया जाएगा ताकि सरकारी कार्यों में और दक्षता लाई जा सके। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए ‘मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन’ को और सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के डाटा बेस को एकीकृत करने के लिए एक ‘एकीकृत डाटा बेस प्रबंधन प्रणाली’ तैयार की जाएगी, जिसके माध्यम से कृषि, पशुपालन, श्रम और रोजगार इत्यादि विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं के प्रत्यक्ष लाभ हस्तातंरण के दृष्टिगत डीबीटी मैपिंग की जाएगी। एक ही स्थान पर परिवारों का उचित डाटा रखने के लिए ‘हिम परिवार’ नाम से एक रजिस्ट्री बनाई जाएगी। इसमें सार्वजनिक वितरण प्रणाली, ई-कल्याण और अन्य पोर्टल के डाटा के माध्यम से परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी को एकीकृत किया जाएगा। सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि विभाग द्वारा सरकारी सेवाओं में सुधार, ई-गवर्नेंस और डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर के सुदृढ़ीकरण के लिए अनेक पहल की जा रही है। यह पुरस्कार सूचना प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा सुशासन और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में विभिन्न जी-टू-सी (सरकार से नागरिक) और जी-टू-बी (सरकार से व्यवसाय) सेवाएं प्रदान करने के सफल प्रयासों को मान्यता और उनकी सराहना के लिए दिया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा गरुड़ (गवर्नेंस एंड रिफॉर्मज़ यूजिंग ड्रोन्स) जैसी पहल को सफलतापूर्वक कार्यान्वित किया जा रहा है। हिमाचल ऑनलाइन सेवा, मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन-1100, ई-ऑफिस, डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ हस्तातंरण), हिमस्वान (हिमाचल प्रदेश स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क), एचपीएसडीसी (हिमाचल प्रदेश स्टेट डाटा सेंटर), ई-कैबिनेट, एलएमएस (लिटिगेशन मॉनिटरिंग सिस्टम), आरएमएस (राजस्व प्रबंधन प्रणाली) जैसी आईटी पहलों को सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।
शिमला नगर निगम चुनावों में कई दिग्गज नेता भी चुनावी मैदान में उतरे है। शिमला शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष और पूर्व में दो बार पार्षद रहे जितेंद्र चौधरी ने भी चुनावी ताल ठोकी है और भराड़ी वार्ड से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। मंगलवार को जितेंद्र चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ उपायुक्त कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया और अपनी जीत का दावा किया। नामांकन के बाद जितेंद्र चौधरी ने कहा कि वह पूर्व में दो बार पार्षद रह चुके हैं और अभी उनकी धर्मपत्नी भराड़ी वार्ड से ही पार्षद थी। वहीं उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधा और कहा कि पूर्व में प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और शिमला नगर निगम भी भाजपा की थी और शहर में केवल स्मार्ट सिटी के नाम पर डंगे और लोहे का ढांचा खड़ा किया गया है। स्मार्ट सिटी के पैसे की बर्बादी की गई है प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है और नगर निगम में कांग्रेस के काबिज होने के बाद शिमला शहर का एक समान विकास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 100 मेगावाट ऊहल-3 जलविद्युत परियोजना को मई, 2024 तक क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री आज यहां ऊर्जा विभाग की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस विद्युत परियोजना के क्षतिग्रस्त पेनस्टॉक को 8 माह के भीतर बदलने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना की स्थापना में पहले ही देरी हो चुकी है और अधिकारियों को निर्धारित समयावधि में परियोजना कार्य पूरा करने के लिए अथक प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार परियोजना को पूरा करने के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी तथा वह स्वयं इस वर्ष 15 जून, 2023 को परियोजना स्थल का भ्रमण कर इसकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट घोषणा के अनुसार प्रदेश सरकार राज्य के सम्भावित उद्यमियों को 100 किलोवाट से 2 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित करने के लिए 40 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बैंकों से इन परियोजनाओं को वित्त पोषित करने के लिए सहायता भी प्रदान करेगी। उन्होंने इस योजना की रूपरेखा शीघ्र तैयार करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ ले सकें। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश में प्रस्तावित छः ग्रीन कॉरिडोर की स्थापना से सम्बंधित कार्योे की प्रगति की समीक्षा भी की तथा इस वर्ष अक्तूबर तक सभी ग्रीन कॉरिडोर के लिए निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगभग 1600 किलोमीटर लम्बे इन कॉरिडोर के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जायेंगे, जिनमें इन कॉरिडोर के दायरे में आने वाले शहर भी शामिल होंगे। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार ने मार्च, 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने लाहौल-स्पीति जिले में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित करने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, बहुउद्देश्शीय परियोजनाएं एवं ऊर्जा सचिव राजीव शर्मा, निदेशक ऊर्जा हरिकेश मीणा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज यहां जारी एक प्रेस वक्तव्य में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कर्मचारियों सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। कर्मचारियों को समय-समय पर सभी देय वित्तीय लाभ प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने काजा में हिमाचल दिवस के अवसर पर राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनधारकों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता करने की घोषणा की है। इससे महंगाई भत्ता बढ़कर 34 प्रतिशत हो गया है। इससे प्रदेश के लगभग 2.15 लाख कर्मचारियों और 1.90 लाख पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों और पेंशनरों के लाभ प्रदान करने की दिशा में वर्तमान सरकार के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह मंहगाई भत्ता पूर्व सरकार के समय पिछले वर्ष से देय था, मगर पूर्व भाजपा सरकार ने इसे प्रदान करने में कोई रूचि नहीं दिखाई। उद्योग मंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने कर्मचारियों के लिए केवल संशोधित वेतनमान की घोषणा मात्र ही की और कर्मचारियों व पेंशनधारकों के बकाये और महंगाई भत्तों की किस्तें जारी करने के मामले में नाकाम रही। जिससे कर्मचारी व पेंशनधारकों को देय वित्तीय लाभों से वंचित रहना पड़ा। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं और राजस्व वृद्धि के लिए निरंतर प्रयासरत है।
लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह से भेंट की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश ने केंद्र सरकार को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-3 के तहत 2813 करोड़ रुपए की लागत की 2565 किलोमीटर लंबी 242 सड़कों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट प्रेषित की है। उन्होंने इन सड़कों के निर्माण कार्यों की शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-3 के तहत 3125 किलोमीटर सड़क निर्माण लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसमें बैच एक के तहत गत वित्तीय वर्ष के दौरान 440 किलोमीटर सड़कों के लिए स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण-3 के माध्यम से राज्य में ग्रामीण सड़क सुविधा को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए केंद्र सरकार से उदार सहायता एवं सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुना तथा हरसम्भव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
शिमला नगर निगम के चुनाव के लिए कुसुम्पटी वार्ड 27 से भाजपा प्रत्याशी रचना झीना शर्मा ने अपने चुनावी कार्यालय का शुभारंभ किया। इस कार्यालय का उद्घाटन वार्ड के प्रभारी व विधायक जोगिंदर नगर प्रकाश राणा ने किया। उनके साथ गुड़िया सक्षम बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष रूपा शर्मा भाजपा महिला नेत्री उपस्थित रही। इस अवसर पर विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगर निगम में फिर से जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के नेतृत्व में शानदार काम शिमला को स्मार्ट सिटी बनाने का हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नगर निगम ने हर क्षेत्र में काम किया है। इस मौके पर रचना झीना शर्मा ने कहा कि पार्टी के नेतृत्व की आभारी हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि कर्मठता के साथ पूरी टीम काम करेगी, पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरेंगे। इस अवसर पर पूर्व पार्षद डिप्टी मेयर राकेश शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता रमेश सैनी, सह प्रभारी राजेश सैनी गोल्डी सहित अन्य भी उपस्थित रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने शिमला नगर निगम चुनावों के लिए मंत्रियों व विधायकों की सेक्टर वाइज प्रभारी व सह प्रभारी की जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। कांग्रेस महासचिव सगंठन महामंत्री रजनीश किमटा ने बताया कि सेक्टर 1 कृष्णा नगर, राम बाजार, लोवर बाजार व जाखू के लिए विधायक सुधीर शर्मा को प्रभारी व सीपीएस आशीष बुटेल को सह प्रभारी के साथ विधायक संजय रत्न, यादवेंद्र गोमा व चैतन्य शर्मा को लगाया गया है। सेक्टर 2 टूटू, मंजयाट, बालूगंज व कच्ची घाटी में चंद्र कुमार प्रभारी व सह प्रभारी संजय अवस्थी के साथ इंद्र दत्त लक्खन पाल व मलेंद्र राजन को लगाया गया है। सेक्टर 3 भराड़ी, रुलदू भट्टा, कैथू व अनाडेल में राजेंद्र राणा प्रभारी, किशोरी लाल सह प्रभारी के साथ देवेंद्र भुट्टो व विनोद सुलतानपुरी को लगाया गया है। सेक्टर 4 समरहिल, टूटीकंडी, नाभा व फागली में डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल प्रभारी राम कुमार सह प्रभारी के साथ अजय सोलंकी व चंद्र शेखर को लगाया गया है। सेक्टर 5 उप्पर ढली ,लोअर ढली,शांति विहार,भट्टाकुफर, कुसम्पटी में रोहित ठाकुर प्रभारी, सह प्रभारी राजेश धर्माणी के साथ नंद लाल व भुवनेश्वर गौड़ को लगाया गया है। सेक्टर 6 बेनमोर, इंजन घर,संजोली चौक,सांगटी में जगत सिंह नेगी प्रभारी,मोहन लाल ब्राक्टा सह प्रभारी के साथ रवि ठाकुर व भवानी सिंह पठानिया को लगाया गया है। सेक्टर 7 कंगना धार, पटियोग, न्यू शिमला खलीनी व कनलोग में हर्षवर्धन चौहान प्रभारी, सुंदर सिंह ठाकुर सह प्रभारी के साथ सुरेश कुमार व सुदर्शन बबलू को लगाया गया है। सेक्टर 8 मल्याणा, पंथा घाटी, छोटा शिमला व विकास नगर में विनय कुमार प्रभारी व रघुवीर सिंह बाली सह प्रभारी के साथ नीरज नय्यर, केवल सिंह पठानिया को लगाया गया है।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे के चलते कैनेडी चौक से लेकर बालूगंज तक सड़क पर यातायात 19 अप्रैल को प्रतिबंधित रहेगा। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी आदित्य नेगी की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेशों के अनुसार सुबह 10 से लेकर सायं 5 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए यातायात बंद रहेगा। आपातकाल वाहनों पर ये नियम लागू नहीं होंगे।


















































