ग्राम पंचायत रौड़ी व स्पोर्ट्स यूथ क्लब धार द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय वाॅलीबाल प्रतियोगिताएं संपन्न हुई।एसडीटीओ परिवहन ट्रांसपोर्ट सोसाइटी के स्पोर्ट्स कंपलेक्स में इन प्रतियोगिताओं का शुभारंभ समाजसेवी जुल्फी राम द्वारा किया गया। उन्होंने इन प्रतियोगिताओं के आयोजन हेतु आयोजकों को ₹31000 की राशि भेंट की। समापन समारोह के मुख्य अतिथि अम्बुजा सीमेंट के ऑपरेशन हेड बीएस राणा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत रौडी की प्रधान रीना शर्मा ने की। अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबन्धक भूपेंद्र गांधी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि आज के युग मे जहाँ युवा नशे की ओर भाग रहें हैं, वहीं स्पोर्ट्स क्लब धार द्वारा युवाओं का रुख खेलों की ओर मोड़ने हेतु सराहनीय प्रयास किया है। उन्होंने आयोजकों को बधाई दी और कहा कि कम्पनी का जो भी सहयोग होगा वह किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर की 12 टीमों के खिलाड़ियों ने भाग लिया हैं। रमण चौधरी, साहिद, ओंकार सिंह, अभिमन्यु, शेखु, सन्नी जैसे आल इंडिया यूनिवर्सिटी लैवल टीम के खिलाड़ियों ने अपने रोमांचक अंदाज में खेल कर लोगों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला तुन बी व बटेड सिक्स के मध्य खेला गया, जिसमें तुन बी विजेता रही। इस अवसर पर ग्राम पंचायत रौडी की प्रधान रीना शर्मा, उप प्रधान जीतराम बिट्टू, ओबीसी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र चौधरी, बाघल सोसायटी के पूर्व प्रधान सुरेश शर्मा, किसान मोर्चा मंडल अर्की के अध्यक्ष जगदीश्वर शुक्ला, भाजपा जिला सचिव राकेश गौतम, मीडिया प्रभारी पवन गौतम, बाबू राम, सोहन लाल, बंटू शुक्ला सहित पंचायत व क्लब के सभी सदस्य व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
दाड़लाघाट में पंचायत कांग्रेस कमेटी दाड़लाघाट के अध्यक्ष लाला शंकर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ। इस दौरान उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी द्वारा जिसे भी प्रत्याशी बनाया जाएगा,उसके लिए दाड़लाघाट पंचायत कांग्रेस कमेटी कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाकर विधानसभा में भेजना का अपना भरपूर प्रयास करेगी। बैठक में जिला उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए की गई घोषणा भी अभी तक पूरी नही की गई। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, रोजगार, शिक्षा जैसे विभिन्न समस्याओं को पूरा करने में प्रदेश सरकार विफल रही हैं। बैठक में अर्की उपचुनाव में कांग्रेस द्वारा अगली रणनीति बारे चर्चा की गई। इस अवसर पर पूर्व उपाध्यक्ष बीडीसी जगदीश ठाकुर, पूर्व उपप्रधान राजेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सोलन अनिल गुप्ता, कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लाला शंकर, उपाध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर, प्रेम केशव, सुरेंद्र वर्मा, बाबू राम शर्मा, हेतराम ठाकुर, प्रेम ठाकुर, सोहन सिंह ठाकुर, मनोज गौतम, दीपक गजपति, महेंद्र सोनी, राम दत्त ठाकुर, कमलेश, जयदेव, अमरदेव, करमचंद चंदेल, सहज राम, हेमचंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन के दृष्टिगत निर्वाचन व्यय से सम्बन्धित वस्तुओं की दरें निर्धारित कर दी हैं। अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में एम्पलीफायर तथा माईक्रोफोन के साथ लाऊडस्पीकर किराए पर लेने की दर 850 रुपए प्रति जलसा प्रति दिन तथा 350 रुपए प्रति दिन प्रति वाहन निर्धारित की गई है। 4 से 5 व्यक्तियों के लिए मंच/पंडाल निर्मित करने के लिए 330 रुपए प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। 15 गुणा 15 आकार के पण्डाल के लिए दर 250 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। 18 गुणा 20 आकार के मंच के लिए 150 रुपए प्रति वर्ग फुट दर निर्धारित की गई है। 18 गुणा 20 आकार के मंच के लिए दर प्रतिदिन 3825 रुपए निर्धारित की गई है। विभिन्न प्रकार के मंच के लिए दर 150 रुपए प्रति वर्ग फुट तथा 3500 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। 15 गुणा 7 आकार की कनात की दर 80 रुपए प्रति टुकड़ा प्रतिदिन निर्धारित की गई है। प्रवेश द्वार की दर 2200 रुपए प्रति प्रवेश द्वार प्रतिदिन निर्धारित की गई है। तोरण लगाने की दर 1100 रुपए प्रतिदिन प्रति प्रवेश द्वार निर्धारित की गई है। जीआई स्वागत द्वार की दर 1100 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। टेन्ट की दर 20 रुपए प्रति वर्गफुट निर्धारित की गई है। सामान्य आकार के पर्दों की दर 100 रुपए प्रति परदा निर्धारित की गई है। 10 गुणा 15 आकार के परदों के लिए 160 रुपए प्रतिदिन निर्धारित किए गए हैं। झालर की दर 10 रुपए प्रति फुट निर्धारित की गई है। मंच के लिए सीढ़ियां निर्मित करने की दर 110 रुपए प्रति फुट निर्धारित की गई है। वीडियोग्राफर के लिए प्रतिदिन डीवीडी सहित 2500 रुपए निर्धारित किया गया है। फोटोग्राफर किराए पर लेने के लिए दर 1500 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। वीडियो कैसेट की दर 250 रुपए प्रति वीडियो कैसेट, खाली डीवीडी 50 रुपए प्रति डीवीडी तथा खाली सीडी 20 रुपए प्रति सीडी निर्धारित की गई है। ऑडियो कैसेट की दर 25 रुपए प्रति कैसेट निर्धारित की गई है। एक फोटोग्राफ की दर का मूल्य 10 रुपए निर्धारित किया गया है। सीडी प्लेयर का किराया 150 रुपए प्रतिदिन तथा डीजे सिस्टम का किराया 3500 रुपए प्रतिदिन निर्धारित किया गया है। पूर्ण ऑरकेस्ट्रा का प्रतिदिन किराया 4400 रुपए निर्धारित किया गया है। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के साथ सम्बद्ध गायक के लिए 10 से 15 कलाकारों की समूह प्रस्तुति की दर 7500 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। इन्हें प्रत्येक कलाकार की दर से 700 रुपए बस किराया भी देय होगा। ढोल एवं नगाड़ा की दर 500 रुपए प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है। स्थानीय बैंड की दर 4400 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। ढोली की दर 1200 रुपए प्रतिदिन प्रति ढोल निर्धारित की गई है। पोपलीन बैनर की दर 200 रुपए प्रति मीटर, साटन क्लॉथ बैनर की दर 200 रुपए प्रति मीटर निर्धारित की गई है। पोस्टर, पैम्पलेट, हैंडबिल इत्यादि के लिए लागत प्रिंट आर्डर के अनुरूप निर्धारित की जाएगी। कपड़े के झण्डे की दर 15 रुपए प्रति झण्डा (छोटा) निर्धारित की गई है। प्लास्टिक के झण्डे लगाने की अनुमति नहीं है। कागज़ की छोटी झण्डियों के लिए 5 रुपए प्रति फुट की दर निर्धारित की गई है। फ्लेक्स बैनर के लिए 10 रुपए प्रति वर्ग फुट दर निर्धारित की गई है। श्याम श्वेत हैंड बिल के लिए 400 रुपए तथा रंगीन हैंड बिल के लिए 1000 रुपए प्रति एक हजार निर्धारित की गई है। ए-4 आकार के श्याम श्वेत पोस्टर के लिए दर 800 रुपए प्रति 1000 तथा ए-4 आकार के रंगीन पोस्टर के लिए दर 1500 रुपए प्रति 1000 निर्धारित की गई है। पोस्टर फलैक्स के लिए गुणवत्ता के आधार पर 10 रुपए प्रति वर्ग फुट दर निर्धारित की गई है। होर्डिंग के लिए दर फ्रेम सहित 25 रुपए प्रति वर्ग फुट निर्धारित की गई है। लकड़ी के कट आऊट के लिए 250 रुपए प्रति वर्ग फुट तथा कपड़े के कट आउट के लिए 125 रुपए प्रति वर्ग फुट दर तय की गई है। सन बोर्ड फोटो के लिए (दोनों और मुद्रित) दर 110 रुपए प्रति वर्ग फुट निर्धारित की गई है। दीवार पर रंग के लिए 21.06 रुपए प्रति वर्ग मीटर, दीवार पर पेटिंग के लिए 40.64 रुपए प्रति वर्ग मीटर, स्टील पर पेटिंग के लिए 35 रुपए प्रति वर्ग मीटर तथा लकड़ी पर पेटिंग के लिए 36 रुपए प्रति वर्ग मीटर दर निर्धारित की गई है। दल के चिन्ह के साथ टी-शर्ट की कीमत 200 रुपए प्रति टी-शर्ट निर्धारित की गई है। नगर निकायों से होर्डिंग स्थल किराए पर लेने की दरें 300 रुपए प्रति वर्गमीटर अथवा नगर निकायों एवं निकायों द्वारा निर्धारित दरों के अनुरूप होंगी। कागज़ की टोपी की दर 5 रुपए प्रति टोपी, कपड़े की टोपी की दर 15 रुपए प्रति टोपी, दल के चिन्ह के साथ मफलर की दर 10 रुपए प्रति मफलर, स्वागत मफलर की दर 100 रुपए प्रति मफलर, लोगो मास्क की दर 1000 रुपए प्रति 100 मास्क, हिमाचली टोपी की दर 250 रुपए प्रति टोपी, पुरूष शॉल की दर 600 रुपए प्रति शॉल, महिला शॉल की दर 1200 रुपए प्रति शॉल, महिला स्टॉल की दर 350 रुपए प्रति स्टॉल, स्मृति चिन्ह की दर 250 रुपए प्रति स्मृति चिन्ह, फोटोयुक्त स्मृति चिन्ह की दर 150 रुपए प्रति स्मृति चिन्ह, किराए के आधार पर दीप ज्योति प्रज्जवलिका स्टेंड की दर 100 रुपए प्रतिदिन प्रति स्टेंड, 2 से 3 फुट तक की तलवार की दर 3000 रुपए, गुब्बारों की दर 100 रुपए प्रति सैंकड़ा, हाथ में पकड़ने वाले मेगाफोन की दर 500 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। केबल टीबी पर स्क्रॉल विज्ञापन, वीडियो विज्ञापन तथा शेप विज्ञापन की दर सरकार द्वारा अधिसूचित डीएवीपी दरों के अनुरूप होगी। प्रिन्ट तथा इलैक्ट्रॉनिक मीडिया में विज्ञापन प्रकाशित करने की दर सरकार द्वारा अधिसूचित डीएवीपी दरों के अनुरूप होगी। विभिन्न प्रजातियों के खुले फूलों की दर 55 रुपए प्रति किलो निर्धारित की गई है। प्राकृतिक फूलों के छोटे हार की दर 10 रुपए प्रति हार, मध्यम आकार के हार की दर 15 रुपए प्रति हार तथा बड़े आकार के हार की दर 20 रुपए प्रति हार निर्धारित की गई है। नकली फूलों के छोटे हार की दर 5 रुपए प्रति हार, मध्यम आकार की दर 7 रुपए प्रति हार तथा बडे़ आकार की दर 9 रुपए प्रति हार निर्धारित की गई है। वृहद आकार के हार की दर आकार के अनुरूप 1500 रुपए निर्धारित की गई है। छोटे गुलदस्ते की कीमत 150 रुपए, मध्यम आकार की कीमत 225 रुपए तथा बड़े गुलदस्ते की कीमत 400 रुपए निर्धारित की गई है। जीप, सूमो, क्वालिस वाहन, टेम्पो, ट्रक, आरामदायक एसयूवी, इनोवा, मारूति-800, ऑल्टो इत्यादि कार, तिपहिया रिक्शा की दर प्रदेश सरकार अथवा जिला प्रशासन द्वारा 27 नवम्बर, 2018 को अधिसूचित दरों के अनुरूप होगी। मोटर साइकिल एवं बाइक किराए पर लेने की दर 1600 रुपए प्रतिदिन, ऑटो रिक्शा की दर 1600 रुपए प्रतिदिन, रोड रोलर की दर 634 रुपए प्रति घण्टा अथवा 6000 रुपए प्रतिदिन, जेसीबी की दर 1200 रुपए प्रति घण्टा, टिप्पर की दर 600 रुपए प्रति घण्टा तथा ट्रॉली के साथ ट्रैक्टर की दर 450 रुपए प्रति घण्टा निर्धारित की गई है। ऑटो की दर स्थानीय क्षेत्र में 1600 रुपए प्रतिदिन तथा स्थानीय क्षेत्र से बाहर 2500 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। ट्रक की दर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित प्रति दिवस की दर के अनुरूप होगी। चुनाव अभियान के दौरान जनसभाओं के लिए बस किराए पर लेने की दरें सीट क्षमता के अनुरूप निर्धारित की गई हैं। 29 जमा 01 सीटर बस के लिए 8000 रुपए प्रतिदिन, 40 सीटर बस के लिए 11000 रुपए प्रतिदिन तथा 50 सीटर बस के लिए 15000 रुपए प्रतिदिन की दर निर्धारित की गई है। ईंधन की दर वास्तविक बिल के अनुरूप होगी। चालक को किराए पर लेने की दर 550 रुपए प्रतिदिन तथा भोजन के साथ निर्धारित की गई है। साधारण कुर्सी की दर 10 रुपए प्रतिदिन प्रति कुर्सी, वीआईपी कुर्सी की दर 20 रुपए प्रतिदिन प्रति कुर्सी, 5 सीटर सोफा की दर 500 रुपए प्रतिदिन, चटाई की दर 60 रुपए प्रतिदिन, कारपेट की दर 3 रुपए प्रति वर्गफुट, टेबल कवर की दर 15 रुपए प्रतिदिन, 2.5 गुणा 2.5 आकार के टेबल की दर 40 रुपए प्रतिदिन, वीआईपी टेबल की दर 100 रुपए प्रतिदिन, लेक्चर स्टेण्ड 300 रुपए प्रतिदिन, किराए पर कम्प्यूटर की दर 250 रुपए प्रतिदिन, किराए पर लैपटॉप की दर 300 रुपए प्रतिदिन, सभी प्रकार के प्रिन्टर की दर 200 रुपए प्रतिदिन, स्केनर तथा फैक्स के साथ प्रिन्टर की दर 250 रुपए प्रतिदिन, कम्प्यूटर टेबल की दर 70 रुपए प्रतिदिन, एक्सीक्यूटिव कुर्सी की दर 40 रुपए प्रतिदिन, एक्सीक्यूटिव टेबल की दर 100 रुपए प्रतिदिन, सामान्य ऑफिस चेयर की दर 20 रुपए प्रतिदिन, ऑफिस टेबल की दर 40 रुपए प्रतिदिन, स्टील की छोटी अलमारी की दर 40 रुपए प्रतिदिन, स्टील की बड़ी अलमारी की दर 50 रुपए प्रतिदिन निर्धारित की गई है। यह सभी दरें किराए के आधार पर हैं। छोटी गदा की दर 2500 रुपए प्रति गदा, मध्यम आकर की गदा की दर 4000 रुपए प्रति गदा तथा बड़े आकार की गदा की दर 8000 रुपए प्रति गदा निर्धारित की गई है। इस सम्बन्ध में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों तथा निर्वाचन अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
साई इंटरनेशनल स्कूल में गाँधी जयंती के उपलक्ष पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस मौके पर स्कूल द्वारा विभिन गतिविधियों का आयोजन हुआ। इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य छात्रों में गांधीवादी मूल्यों को विकसित करना और एक अच्छे इंसान और अच्छे नागरिक के बीज बोना था। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य ने स्कूल के विद्यार्थियों को गाँधी जयंती की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बच्चों को महात्मा गाँधी के विचारों को अपने पर ज़ोर डाला।
शनिवार को महात्मा गांधी व पुर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी, महिला मोर्चा और महिला मंडल के द्वारा कुनिहार नये बस अड्डे पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। इस मौके पर सभी सदस्यों द्वारा स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए बस स्टैंड परिसर में साफ सफाई की गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला सह मीडिया प्रभारी इन्दर पाल शर्मा, प्रदेश महिला मोर्चा की सद्स्य कौशल्या कंवर, ग्राम केंद्र प्रभारी चेत राम तंवर, महिला मोर्चा की मंडल उपाध्यक्षा सुनीता ठाकुर, वार्ड मेम्बर रक्षा शर्मा, बिमला शर्मा, महिला मंडल हाटकोट की प्रधान निर्मला राघव, सुदेश शर्मा, लता देवी, पुर्व बीड़ीसी सीमा महंत व अन्य उपस्थित रहे।
गांधी जयंती के उपलक्ष्य पर गांधी युवा क्लब पारनु द्वारा खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रधान केशव राम और उपप्रधान खेम राज वर्मा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। क्लब के प्रधान हेमंत वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं में मुख्य खेल वॉलीबॉल, कबड्डी और शतरंज है। जिसमे लगभग 20 टीमें भाग ले रही है। उन्होंने बताया कि गाँधी युवा क्लब पारनु द्वारा यह आयोजन पिछले 32 वर्षों से किया जा रहा है। पिछले वर्ष कोरोना की वजह से यह आयोजन स्थागित किया गया था। इस वर्ष कोरोना नियमों का पालन करते हुए यह आयोजन आरम्भ किया गया है। हेमंत वर्मा ने बताया कि 3 अक्टूबर को इस कार्यक्रम का समापन होगा। इस अवसर पर पूर्व प्रधान विद्या सागर, पूर्व उपप्रधान मनीराम वर्मा, वार्ड सदस्य विजय देवी, क्लब के उपप्रधान कुलदीप राठौर, हरिओम, नरेश ठाकुर, हेमराज शर्मा, महेन्द्र राठौर, दिनेश वर्मा, ज्ञान वर्मा, कमलेश कुमार, मनोज कुमार, भानु शर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आये ग्रामीण उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयाँज की एनएसएस इकाई ने सफाई अभियान चलाकर राष्ट्र पिता महात्मा गांधी का जन्मदिन मनाया।एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर ने बताया कि गांधी जयंती मनाने के लिए एनएसएस स्वयंसेवियों को वर्चुअल माध्यम से प्रेरित किया गया था। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवियों ने अपने घर-गांव में सफाई अभियान चलाकर राष्ट्र पिता के प्रति अपना सम्मान वयक्त किया। इसके अतिरिक्त एनएसएस स्वयंसेवियों ने भाषण, चित्रकला व कविता के माध्यम से भी राष्ट्र पिता के प्रति अपना सम्मान वयक्त किया। इस अवसर पर आयोजित गतिविधियों में कक्षा बारहवीं से उमेश, ज्योति त्यागी, दिक्षा व कक्षा ग्यारवीं से मनीषा, नीलम ठाकुर, शीतल ठाकुर व हेमलता के प्रयास अति सराहनीय रहे। प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी ने वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों को गांधी जयंती की शुभकामनायें दीं। प्रधानाचार्य ने अपने संदेश में कहा कि भारत को सवच्छ व सुन्दर बनाने में हमारा सक्रिय योगदान ही गांधी के प्रति हमारा सच्चा सम्मान होगा। प्रधानाचार्य ने विद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा गांधी जयंती पर आयोजित गतिविधियों की भी सराहना की।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रवक्ता अंग्रेजी अनिता कौंडल के दिशा निर्देशों द्वारा गांधी जयंती के पावन अवसर पर स्वच्छ भारत अभियान व पॉलीथीन हटाओ अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम के तहत एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी एवं स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर की सफाई की तथा साथ ही गोद लिए गांव धुंदन में पॉलीथीन हटाओ अभियान चलाया गया। इस के बाद स्वयंसेवियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयन्ती के अवसर पर अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान का आज विधिवत शुभारम्भ हुआ। सोलन से जिला स्तरीय अभियान का शुभारम्भ जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेन्द्र शर्मा ने जिला न्यायिक परिसर से किया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेन्द्र शर्मा, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी परमिन्दर सिंह, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी कपिल शर्मा, न्यायिक दण्डाधिकारी मेघा शर्मा सहित अन्य ने जिला सुधार गृह में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वीरेन्द्र शर्मा ने इस अवसर पर जिला कारागार में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि अखिल भारतीय विधिक जागरूकता एवं आउटरीच अभियान का मुख्य उददेश्य जन-जन विशेष रूप से ग्रामीण, जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के निवासियों को जानकारी के माध्यम से विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली से अवगत करवाना तथा निःशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध करवाना है। सभी को भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देना तथा अन्य कल्याणात्मक प्रावधानों के विषय में जागरूक बनाना भी अभियान का उद्देश्य है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के निर्देशानुसार सोलन जिला में अभियान के अन्तर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से गावं-गांव तक पंहुचकर लोगों को विधिक सेवा एवं अधिकारों के विषय में जागरूक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला सेवा विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा अधिवक्ताओं, पैरा लीगल वालंटियरों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, महिला मण्डलों, युवक मण्डलों, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वंय सेवी संस्थाओं, मीडिया तथा अन्य के सहयोग से विधिक जागरूकता एवं अन्य आऊटरीच गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन के प्रशिक्षु, प्रशिक्षक करमजीत सिंह, राती चौहान, राकेश कुमार, राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की छात्राओं सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे। सोलन जिला में इस अवसर पर उपमण्डल स्तर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
युवा मोर्चा सोलन द्वारा गांधी जयंती के उपलक्ष्य पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसके अंतर्गत सोलन के नज़दीक गाँव कायलर मे पीने वाले पानी की बावड़ी को पूरी तरह साफ़ किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा अध्यक्ष रोहित भारद्वाज द्वारा की गई। इस कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय पंचायत उपप्रधान मदन ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, जिला महामंत्री भूपेन्द्र ठाकुर, जिला सचिव दिनकर, जिला कोषाध्यक्ष अरुण मेहता, मंडल महामंत्री वैवभ ठाकुर व स्थानीय वार्ड मेंबर व युवा साथी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटिड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 अक्तूबर को 11 केवी नौणी फीडर के आवश्यक मुरम्मत कार्य के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। दिनेश ठाकुर ने कहा कि इसके दृष्टिगत 3 अक्तूबर को दोपहर 1.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक डाॅ.यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वद्यालय नौणी, नौणी बाजार, धारों की धार, धरजा, बदलेच, कालाघाट तथा पंडाह इत्यादि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
उपनिदेशक प्रारम्भिक शिक्षा सोलन दीवान चंद चंदेल ने जिला के सभी इको क्लब विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं मुख्याध्यापकों से आग्रह किया है कि अपने-अपने विद्यालय के इको क्लब डाटा और इको क्लब के तहत आयोजित की जा रही गतिविधियों को इस कार्य के लिए विकसित वेबसाईट पर पंजीकृत करवाएं। दीवान चंद चंदेल ने कहा कि सभी प्रधानाचार्य एवं मुख्याध्यापक यह जानकारी पोर्टल लिंक www.ecoclub.hp.gov.in पर उपलब्ध करवाएं तथा ऑनलाइन इको क्लब प्रपत्र के अनुरूप सूचना एवं गतिविधियों को अद्यतन करें। उप निदेशक ने कहा कि इस सम्बन्ध में जानकारी के लिए एजीआईएसएसी शिमला के विशेषज्ञ प्रवीण शर्मा से उनके मोबाइल नम्बर 88944-95915 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
देश में जन-जन को विधिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से 2 अक्तूबर से 14 नवम्बर तक कार्यान्वित किए जाने वाले अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान के शुभारम्भ कार्यक्रम का 2 अक्तूबर को लाईव प्रसारण प्रातः 11.00 बजे से किया जाएगा। यह जानकारी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी सोलन कपिल शर्मा ने दी। कपिल शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम का लाईव प्रसारण राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण के यू-ट्यूब चैनल, दूरदर्शन के राष्ट्रीय डीडी चैनल, डीडी न्यूज़ पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को यू-टयूब लिंक https://youtu.be/UQR9IJZQVWY पर देखा जा सकता है। उन्होंने आग्रह किया कि सभी इस कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखें ताकि विधिक सेवाओं एवं इस कार्यक्रम से होने वाले लाभ की जानकारी प्राप्त कर सकें।
अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल ने नगर निगम सोलन के अन्तर्गत वार्ड नम्बर-1, 2 और 14 में सत्य नारायाण आवास से गुरूद्वारा तक के मार्ग को मुरम्मत एवं रखरखाव कार्य के लिए बन्द करने के आदेश दिए हैं। यह मार्ग 2 अक्तूबर से 4 अक्तूबर तक प्रातः 11.00 बजे से सांय 4.00 बजे तक बन्द रहेगा। यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं।आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि उक्त समय अवधि में सम्पर्क मार्ग के बन्द होने से आमजन को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। इस अवधि में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए प्रयुक्त वाहन, अग्निशमन सेवा वाहन तथा रोगी वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी।
जन-जन को विधिक अधिकारों की जानकारी प्रदान करने, समाज के कमज़ोर वर्गों एवं गरीब लोगों को विधिक सहायता उपलब्ध करवाने और उनके लम्बित विधिक मामलों को सुलझाने के उद्देश्य से देश में 2 अक्तूबर से 14 नवम्बर तक अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान कार्यान्वित किया जाएगा। अभियान के अन्तर्गत सोलन जिला में भी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी आज यहां जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी सोलन कपिल शर्मा ने दी। कपिल शर्मा ने कहा कि इस वर्ष देश की स्वतन्त्रता के 75 वर्ष पूर्ण करने की स्मृति में आज़ादी का महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर 8 से 14 नवम्बर तक विधिक सेवाएं सप्ताह तथा 2 अक्तूबर से 14 नवम्बर तक अखिल भारतीय जागरूकता एवं आउटरीच अभियान आरम्भ करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में सोलन जिला में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा विभिन्न स्तरों पर जन जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के कमज़ोर वर्गों एवं गरीब व्यक्तियों को विधिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। यह प्रयास किया जाएगा कि उनके लम्बित न्यायिक मामलों को सुलझाया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य जन-जन विशेष रूप से ग्रामीण, जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के निवासियों को जानकारी के माध्यम से विधिक सेवा संस्थानों की कार्यप्रणाली से अवगत करवाना, निःशुल्क विधिक सेवाएं उपलब्ध करवाना, इन सभी समूहों को भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देना तथा अन्य कल्याणात्मक प्रावधानों के विषय में जागरूक बनाना है। इन सभी कार्यों का उद्देश्य विभिन्न समूहों का सशक्तिकरण सुनिश्चिित बनाना है। कपिल शर्मा ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इस अवधि में सोलन जिला के गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को विधिक जानकारी प्रदान करेगा। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव ने कहा कि सोलन जिला में कार्यक्रम का शुभारम्भ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रातः 7.00 बजे प्रभातफेरी से होगा। यह प्रभातफेरी जिला न्यायालय परिसर से आयोजित की जाएगी। तदोपरान्त प्रातः 10.00 बजे से विभिन्न स्थानों पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम जिला कारागार सोलन, शेल्टर होम कथेड़, बाल आश्रम अर्की, शांति निकेतन सुबाथू, धर्मपुर, उप कारागार नालागढ़ एवं राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का शुभारम्भ 2 अक्तूबर को किया जाएगा। इस 45 दिवसीय अभियान के शुभारम्भ के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द सहित भारत के मुख्य न्यायाधीश केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्री, राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष, सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश, उच्च न्यायालयों के न्यायाधीश एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।
बड़े बुजुर्गों का सम्मान भारतीय संस्कारों व संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रहा है। किन्तु भारत सहित आज समस्त विश्व में वृद्ध जनों की उपेक्षा हो रही है व उनके हितों को अनदेखा कर दिया जाता है। वृद्ध जनों के सम्मान व उनके हितों की ओर हमारा ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रति वर्ष 1अक्तूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयाँज में भी कोविड नियमों का पालन करते हुए प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस दिवस मनाया गया। एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर के मार्गदर्शन में एनएसएस स्वयंसेवियों ने वृद्ध जनों के सम्मान, सेवा व सहायता का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को वृद्ध जनों के लिए समय देने व उनकी सेवा व सहायता के लिए प्रेरित किय। एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस मनाने के लिए एनएसएस स्वयंसेवियों को वर्चुअल माध्यम से प्रेरित किया गया था। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवियों ने अपने दादा दादी के साथ समय बिताया व उनका आशीर्वाद लेकर तस्वीरें एनएसएस प्रभारी को प्रेषित की।
भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी शहज़ाद आलम ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के उप निर्वाचन के लिए निर्वाचन सूचना जारी कर दी है। निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी निर्वाचन सूचना के अनुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र 8 अक्तूबर तक उम्मीदवार अथवा उनके किसी प्रस्तावक द्वारा उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में उपमण्डलाधिकारी के कक्ष में निर्वाचन अधिकारी अथवा तहसीलदार अर्की (सहायक निर्वाचन अधिकारी) को प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने का समय प्रातः 11.00 बजे से सांय 3.00 बजे तक रहेगा। नामांकन पत्र 8 अक्तूबर तक सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर अन्य किसी भी दिवस पर प्रस्तुत किए जा सकेंगे। निर्वाचन सूचना के अनुसार नामांकन पत्र उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की से उपरोक्त समय अवधि में प्राप्त किए जा सकते हैं। नामांकन पत्रों की छंटनी उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में 11 अक्तूबर को प्रातः 11.00 बजे की जाएगी। नामांकन पत्र 13 अक्तूबर को सांय 3.00 बजे से पूर्व वापिस लिए जा सकेंगे। नामांकन वापिस लेने की सूचना उम्मीदवार, उनके किसी प्रस्तावक द्वारा अथवा उनके ऐसे निर्वाचन अभ्यर्थी द्वारा जिसे उम्मीदवार द्वारा लिखित में इसके लिए प्राधिकृत किया गया हो द्वारा निर्वाचन अधिकारी अर्की अथवा सहायक निर्वाचन अधिकारी अर्की को उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की में प्रस्तुत करनी होगी। निर्वाचन की स्थिति में मतदान 30 अक्तूबर, 2021 को होगा। मतदान प्रातः 8.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक होगा। .
अटल शिक्षा कुञ्ज कालूझंडा स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी ने प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार, छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऑफलाइन कक्षाओं की शुरुआत कर दी है। इस अवसर पर कोरोना माहमारी को ध्यान में रखते हुए यूनिवर्सिटी परिसर को सैनिटाइज़ करवाने के साथ सभी कोविड दिशानिर्देशों का पालन करते हुए नये छात्रों का स्वागत किया गया। छात्रों को आईईसी यूनिवर्सिटी के सभी 17 विभागों, कोलेबोरेटर्स, प्लेसमेंट सेल और शिक्षा पद्धति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम में छात्रों सहित अभिभावकों ने भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो० (डॉ०) जितेन्द्र सिंह ने छात्रों को मेहनत व लगन के साथ पढाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आईईसी यूनिवर्सिटी में हर वर्ष सैंकड़ों छात्र-छात्राएं उच्च शिक्षा ग्रहण करने यहां आते हैं जिनके लिए हाई-क्वालीफाईड स्टाफ को नियुक्त किया गया है। उन्होंने सभी को आईईसी यूनिवर्सिटी में सालाना की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। छात्रों और अभिभावकों ने कार्यक्रम की खूब सराहना की और आईईसी यूनिवर्सिटी के शैक्षिक वातावरण में बेहतर परिणाम की आशा व्यक्त की।
अपनी मेहनत और पढ़ने की लगन से राजकीय माध्यमिक पाठशाला नगर स्यांवा कक्षा छठी के छात्र गौरव का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार के लिए हुआ है। गौरव कुनिहार के एक छोटे से गांव बैहली का निवासी है। अपनी पढ़ने की लगन से उसने नवोदय चयन की परीक्षा पास की व अपने माता पिता सहित गांव व विद्यालय का नाम रोशन किया है। उसकी इस कामयाबी से विद्यालय व गांव में खुशी की लहर है। शुक्रवार को विद्यालय प्रभारी बिशनचन्द्र व अन्य अध्यापकों ने गौरव को मिठाई खिलाकर उसके सफल व सुखद भविष्य की कामना कर उसे आशीर्वाद दिया।
लोगो को पानी की किल्लत होने के बाद भी, विभागीय कर्मचारी की लापरवाही के चलते छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह के गेट के पास बने चेम्बर से पिछले कई महीनों से लगातार सड़क पर हजारों लीटर पानी बह रहा है। इस चेम्बर से बॉयज वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खण्ड विकास कार्यालय कलोनी सहित बहुत से पेय जल उपभोक्ताओं को पानी के कनेक्शन दिए गए है। पानी के बेतहाशा सड़को पर बहने से लोगो के घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नही पहुंच पाने से समस्या पैदा हो गई है। विभाग के कर्मचारी द्वारा यंहा पर व्यर्थ सड़क पर बह रहे पानी को देख कर आंखे बंद कर लेना आश्चर्य की बात है। इस जगह बह रहे पानी से जंहा सीवरेज लाइन के चेम्बर के साथ साथ सड़क भी उखड़ने लगी है वही स्थानीय लोगो मे भी सड़क पर व्यर्थ बह रहे पानी के कारण विभाग के प्रति रोष है। स्कूली बच्चों व अन्य पैदल चलने वाले लोगों को भी इससे परेशानी हो रही है। कैप्टन प्रभु राम, मनोज गर्ग, चारु, सुभाष, कृष्ण कांत सहित कई पेयजल उपभोक्ताओं ने इस चेम्बर पर पिछले कई महीनों से लीकेज कर रहे इन पेयजल पाइपों को ठीक करने का आग्रह विभाग से किया हैं। ताकि सड़को पर व्यर्थ पानी भी न बहे व लोगो को पर्याप्त मात्रा में पानी भी मिले। इस बारे में जब जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता कैलाश भारद्वाज से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि जल्द ही इस चेम्बर में हो रही लीकेज को दरुस्त करवा दिया जायेगा, ताकि लोगो को पर्याप्त पेय जल मिल सके।
पुलिस थाना कुनिहार के अंतर्गत एक कार चालक द्वारा महिला को जख्मी करने का मामला दर्ज हुआ है। मामला वीरवार का है जब एक महिला अपने पति के साथ सड़क मार्ग से पैदल कुनिहार बाजार की तरफ जा रही थी। शिकायतकर्ता सरला निवासी गांव उच्चा गांव डा0 कुनिहार ने बताया कि वह दिन के समय अपने पति रवीश कुमार के साथ शिमला रोड़ नजदीक डम्प सड़क के बायीं और से जा रही थी तो पिछे कुनिहार की और एक गाड़ी (कार) आई जिसने उसे टक्कर मार दी जिससे इसे टाँग बाजू, पाँव आदी में चोटे लगी है। पति रविश कुमार के अनुसार गाड़ी का नम्बर HP 03 C 7224 है और गाड़ी चालक वहाँ रुकने के बजाए अपनी गाड़ी को लेकर वहा से भाग गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
कोई बिना कपड़े के न रहे, नंगे पांव न घूमे, बिना बर्तन के खाना न बना सके, पढ़ाई में किसी प्रकार की कोई कमी न आए। इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए रेड क्रॉस सोलन ने गरीबों की मदद करने का नायाब तरीका ढूंढा है। पहली बार सोलन की कुछ सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर रेड क्रॉस सोलन दान उत्सव का आयोजन कर रहा है, जिसमें लोगों से जूते, बर्तन, किताबें, समय व आर्थिक सहायता देने की अपील की गई है। पुराने जिलाधीश कार्यालय में 7 दिवसीय मेले का आयोजन 2 से 8 अक्तूबर को होगा। 5 अक्तूबर तक सामान एकत्रित किया जाएगा और 7-8 अक्तूबर को उसी स्थान पर जरूरतमंदों को वितरित किया जाएगा। रेड क्रॉस संस्था के पैट्रन अरुण त्रेहन ने बताया कि गूंज, समर्पणं, हिम फ्रेंड्स, शूलिनी युनिवर्सिटी, केयर एंड शेयर, जस्ट अर्थ, रोटरी क्लब, रोटरी क्लब सिटी, रोटरी क्लब मिडटाऊन, लायंस क्लब, लायंस क्लब सोलन वैली, लायंस क्लब गोल्ड, इन्नरव्हील क्लब, इन्नरव्हील मिडटाऊन, इन्नरव्हील सोलन सिटी सामाजिक संस्थाएं मिलकर इसमे अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने और भी सामाजिक संस्थाओं व यहां के लोगों से अपील की कि इस कार्य में आगे आए व रेड क्रॉस की इस पहल को मजबूत करें। उन्होने कहा कि ये उस्तव आपको किसी व्यक्ति या संगठन को धन, सामग्री या कौशल में योगदान करने का मौका देता है। दान को उदारता का प्रतीक माना गया है। ये दान उत्सव मां शूलिनी के शहर होने वाला इस तरह का पहला उत्सव है, जो सब की सहभागिता के बिना पूरा नहीं हो सकता।
सोलन: बुधवार बीती शाम को अर्की में 2 बाइक सवार युवकों पर तेंदुए ने हमला कर दिया। यह घटना अर्की मुख्यालय से नेर जगह के बीच में हुई। गनीमत रही की युवक शिकार होने से बाल-बाल बच गए। इनकी पहचान पंकज व हंसराज के रूप में हुई। उन्होंने कहा कि उन्हें कई बार रास्ते में तेंदुआ मिला है। लेकिन आज उसके हमले से वह सहम गए। उन्होंने वन विभाग व पंचायत प्रतिनिधियों से इस पर जल्द से जल्द संज्ञान लेने का आग्रह किया है, ताकि आने वाले समय में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके। जैसे ही यह सूचना वन विभाग को मिली, उन्होंने कड़ा संज्ञान लेने की बात की। फारेस्ट गार्ड मांजू बीट गायित्री देवी का कहना है कि वे सुबह मौका स्थल पर दौरा करेंगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया है कि रात को घर से बाहर न निकलें और सड़कों पर भी अकेले न जाएं।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रथम अक्तूबर को सोलन के बजरोल, नडोह, शूलिनी नगर के क्षेत्रों, उपायुक्त आवास के समीप के क्षेत्रों तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता आर. विदुर ने दी। मौसम खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति अगले दिवस पर बाधित की जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
डाक मण्डल सोलन द्वारा गत दिवस हिन्दी पखवाड़े के अन्तर्गत आयोजित की गई प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। यह जानकारी अधीक्षक डाकघर मण्डल सोलन के अधीक्षक रतन चन्द शर्मा ने दी। रतन चन्द शर्मा ने कहा कि डाक मण्डल सोलन द्वारा 13 से 27 सितम्बर तक यह प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता के विजेता एवं उप विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि निबन्ध लेखन प्रतियोगिता में बालक राम को विजेता, इस्माइल खान को उपविजेता तथा मोहित गुप्ता को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में मोनिका वर्मा को विजेता, साहिब को उपविजेता तथा बालक राम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। कविता पाठ प्रतियोगिता में नेहा शर्मा विजेता तथा रविन्द्र ठाकुर उपविजेता रहे। हिन्दी टंकरण प्रतियोगिता में नेहा शर्मा विजेता तथा मोनिका वर्मा उप विजेता रहीं। श्रुतलेख प्रतियोगिता में कृष्ण चन्द विजेता तथा महेश चन्द उप विजेता रहे। रतन चन्द शर्मा ने इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि कार्यालय के कार्य में अधिक से अधिक राजभाषा हिन्दी का प्रयोग करें।
सोलन के ठोडो मैदान में कोविड-19 परीक्षण के लिए स्थापित आरटीपीसीआर परीक्षण केन्द्र को रबौण स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल ने दी। डाॅ. उप्पल ने कहा कि 30 सितम्बर से आरटीपीसीआर परीक्षण आयुर्वेदिक अस्पताल रबौण में किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षण के लिए पंजीकरण सुबह 10.00 बजे आरम्भ होगा। पंजीकरण 12.30 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरपीसीआर परीक्षण 12.30 बजे के बाद आरम्भ होगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अनुरोध किया है कि आरटीपीसीआर परीक्षण के लिए समय पर अपना पंजीकरण करवाएं और आयुर्वेदिक अस्पताल रबौण में अपना परीक्षण करवाएं।
उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव ने मुरारी लाल मेमोरियल काॅलेज ऑफ नर्सिंग, गांव नगाली, डाकघर ओच्छघाट तहसील एवं जिला सोलन के छात्रावास के भूतल एवं प्रथम तल को तुरन्त प्रभाव से सूक्ष्म कन्टेमनेंट जोन घोषित कर दिया है। यह निर्णय मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन की अनुशंसा के आधार पर किया गया है। उपमण्डलाधिकारी सोलन ने यह आदेश आपराधिक दण्ड संहिता 1973 की धारा 144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए हैं। उपमण्डलाधिकारी ने पुलिस उप अधीक्षक सोलन को निर्देश दिए हैं कि सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन में समुचित संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाए ताकि कन्टेनमेंट जोन में कोई भी व्यक्ति पैदल अथवा वाहन के माध्यम से यहां-वहां न जा सके। उन्होंने कन्टेनमेंट जोन में किसी भी सार्वजनिक पथ अथवा स्थान पर व्यक्तियों के खड़े होने पर भी पाबंदी लगाई है। कन्टेनमेंट जोन में वाहनों एवं व्यक्तियों की आवाजाही नाका लगाकर नियन्त्रित की जाए। किसी भी परिस्थिति में कन्टेनमेंट जोन में व्यक्तियों एवं वाहनों की आवाजाही प्रतिबन्धित रहेगी। कन्टेनमेंट योजना लागू करने, आवश्यक सेवाएं एवं चिकित्सा से सम्बन्धित वाहनों एवं व्यक्तियों की आवाजाही निर्बाध गति से जारी रहेगी। आदेशों के अनुसार मुरारी लाल मेमोरियल काॅलेज ऑफ नर्सिंग के उप प्रधानाचार्य कन्टेनमेंट जोन में आवश्यक सेवाएं एवं आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित बनाएंगे। उक्त क्षेत्र में पेयजल तथा बिजली की निर्बाध आपूर्ति भी सुनिश्चित बनाई जाएगी। वह यह भी सुनिश्चित बनाएंगे कि उक्त कन्टेनमेंट जोन में कन्टनेमेंट प्लान, आवश्यक सेवाएं एवं चिकित्सा आपातकाल के लिए तैनात कर्मचारियों के अतिरिक्त किसी को भी आवागमन की अनुमति न हो। किसी भी छात्र को आरटीपीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट के बिना घर जाने की अनुमति नहीं होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन क्षेत्र में फ्लू जैसी बीमारी के लक्षणों वाले व्यक्तियों की घर-घर स्क्रीनिंग के लिए समुचित संख्या में टीमें तैनात करना सुनिश्चित करेंगे। इस दिशा में पूरी निगरानी रखी जाएगी। क्षेत्र में संक्रमित व्यक्ति के सम्पर्क में आए सभी व्यक्तियों की खोज कर उनकी जांच की जाएगी और उन्हें आईसोेलेट किया जाएगा। यह आदेश मुरारी लाल मेमोरियल काॅलेज ऑफ नर्सिंग में कोविड-19 के 25 पाॅजिटिव मामले पाए जाने के उपरान्त पारित किए गए हैं। आदेश का उद्देश्य समूचे क्षेत्र को सुरक्षित करना तथा कोविड-19 के प्रसार को रोकना है। आदेश केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों की अनुपालना में जारी किए गए हैं। उक्त सूक्ष्म कन्टेनमेंट जोन में यह आदेश तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए हैं तथा आगामी आदेशों तक प्रभावी रहेंगे। आदेशों का उल्लंघन करने पर विधि सम्मत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुन्दन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की अध्यक्षता में तथा राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी प्रवक्ता अंग्रेजी अनीता कौंडल के दिशा-निर्देशों द्वारा स्वच्छता अभियान एवम विद्यालय सौंदर्यकरण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवियों ने विद्यालय परिसर को साफ किया तथा क्यारियों से खरपतवार निकाली। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी अनीता कौंडल ने स्वयंसेवियों को बताया कि स्वस्थ शारीर में स्वस्थ आत्मा निवास करती है। अंत में स्वयंसेवियों ने पर्यावरण को शुद्ध एवम साफ रखने की शपथ ग्रहण की।
स्वस्थ जीवन के लिए ह्रदय का स्वस्थ होना अति आवश्यक है। ह्रदय स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रति वर्ष 29 सितम्बर को विश्व ह्रदय दिवस मनाया जाता है। इसी कड़ी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयाँज में भी कोविड नियमों का पालन करते हुए प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी की अध्यक्षता में विश्व ह्रदय दिवस मनाया गया। एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर के मार्गदर्शन में एनएसएस स्वयंसेवियों ने सभी को ह्रदय को स्वस्थ रखने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को ह्रदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वस्थ ह्रदय के लिए नियमित रूप से योग, व्यायाम, संतुलित आहार व तनावमुक्त दिनचर्या अति आवश्यक हैं। एनएसएस प्रभारी दीपक ठाकुर ने स्वस्थ ह्रदय के लिए विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन व जंक फूड से दूर रहने का आग्रह किया। हिन्दी भाषा प्रवक्ता भीम सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ ह्रदय के लिए हंसना व प्रसन्न रहना भी अति आवश्यक है। कला अध्यापक केशव वर्मा ने विद्यार्थियों को ह्रदय के अच्छे स्वास्थ्य के लिए अपनी रुचि अनुसार संगीत, नृत्य, चित्रकला, लेखन अथवा किसी अन्य कला को अपने जीवन का हिस्सा बनाने हेतु प्रेरित किया।इस अवसर पर अमरदेव शर्मा, अनुप शर्मा, जय प्रकाश मिश्रा, देवी सिंह ठाकुर, अजय त्यागी, पुष्पिन्दर शर्मा, विरेन्द्र कुमार, रमेश ठाकुर, हेमराज, प्रवीण कुमार, मुक्तेश गौतम व सरोज ठाकुर भी उपस्थित रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट में शिक्षा संवाद का आयोजन स्कूल प्रबंधन समिति प्रधान हेमराज की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। शिक्षा संवाद के इस कार्यक्रम में लगभग 120 अभिभावकों ने भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय के उपप्रधानाचार्य हंसराज शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर व दिनेश खजुरिया ने विभिन्न विषयों पर अपना संबोधन प्रस्तुत किया। अभिभावकों की तरफ से कुसुम ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव कार्यक्रम में प्रस्तुत किए। इसके उपरांत प्रधानाचार्य ने अभिभावकों के साथ विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इसमें विशेष रूप से बच्चों की प्रगति रिपोर्ट जिसमें एफए-1, एफए-2 और फर्स्ट टर्म फॉर्म के उपरांत बच्चों के परिणाम का आंकलन किया गया। इसके उपरांत ऑनलाइन कक्षाओं के बारे में आ रही दिक्कत एवं उनके समाधान के बारे में भी चर्चा की गई, इसके अलावा स्वच्छता, धूम्रपान के दुष्प्रभाव, मोबाइल का सही उपयोग, विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों जैसे एनएसएस, एनसीसी, फिट इंडिया मूवमेंट आदि कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने के अभिभावकों के माध्यम से बच्चों को प्रेरित करने का आग्रह किया गया। अंत में प्रधानाचार्य राजीव गौतम ने उपस्थित सभी अभिभावकों व सभी अध्यापकों का शिक्षा संवाद के इस कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के लिए धन्यवाद किया।
सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन के दृष्टिगत आज यहां समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हारी ने की। बैठक में आदर्श आचार संहिता, नामांकन, मतदाता सूचियां, निर्वाचन सामग्री एवं परिवहन प्रबन्धन, इलैक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन तथा वीवीपैट की जानकारी एवं जागरूकता सहित राजनीतिक दलों, सैक्टर अधिकारियों, सैक्टर दण्डाधिकारियों, पुलिस एवं निर्वाचन से सम्बन्धित अन्य के प्रशिक्षण, पूर्वाभ्यास कार्यक्रम, मतदान केन्द्र, महिला मतदान केन्द्र, वैब कास्टिंग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण, डाक मतपत्र, स्वीप गतिविधियां, मतदान दिवस पर किए जाने वाले कार्य, मतगणना, कानून एवं व्यवस्था सहित उप निर्वाचन से सम्बन्धित अन्य गतिविधियों पर सारगर्भित चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में उप निर्वाचन के लिए सभी तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी अर्की को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने अर्की विधानसभा क्षेत्र में लोगों को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने के लिए जागरूक बनाने के लिए स्वीप गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्णयानुसार 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाता, दिव्यांग मतदाता एवं कोविड-19 पाॅजिटिव मतदाता यदि चाहें तो वे डाक मत पत्र का प्रयोग कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में निर्वाचन अधिकारी अर्की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित बनाएं और विधानसभा क्षेत्र का सर्वेक्षण कर डाक मत पत्र प्रयोग करने की इच्छुक इन श्रेणियों की जानकारी प्राप्त करें। कृतिका कुल्हारी ने कहा कि निर्वाचन कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उप चुनाव में केवल उन्हीं अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी जो 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं। तहसीलदार निर्वाचन राजेन्द्र शर्मा ने निर्वाचन प्रक्रिया, प्रशिक्षण एवं अन्य गतिविधियों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त ज़फ़र इकबाल, उपमण्डलाधिकारी सोलन अजय यादव, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ महेन्द्र पाल गुर्जर, उपमण्डलाधिकारी अर्की शहज़ाद आलम, उपमण्डलाधिकारी कसौली डाॅ.संजीव धीमान, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ.विकास सूद सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, नायब तहसीलदार निर्वाचन महेन्द्र ठाकुर, निर्वाचन विभाग सोलन के अन्य कर्मचारी बैठक में उपस्थित थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने भारत के निर्वाचन आयोग के निर्देशनुसार सोलन जिला के 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उपनिर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस कार्यक्रम के अनुसार 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए अधिसूचना प्रथम, अक्तूबर को जारी की जाएगी। नामांकन भरने की अन्तिम तिथि 8 अक्तूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 11 अक्तूबर को होगी। नाम वापिस लेने की अन्तिम तिथि 13 अक्तूबर निर्धारित की गई है। मतदान 30 अक्तूबर को होगा तथा मतणगना 2 नवम्बर को की जाएगी। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 5 नवम्बर तक पूर्ण कर ली जाएगी। कृतिका कुलहरी ने कहा कि 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में उप निर्वाचन के लिए 27 सितम्बर तक कुल 92555 मतदाता हैं। इनमें 47163 पुरूष एवं 45392 महिला मतदाता हैं। कुल मतदाताओं में 719 सेवा मतदाता हैं। इनमें 700 पुरूष एवं 19 महिला मतदाता हैं। उप निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त मतदाता सूचियां प्रथम जनवरी की अहर्ता तिथि के अनुरूप तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में 18 से 19 वर्ष आयुवर्ग के कुल 2556 सामान्य मतदाता हैं। इनमें 1385 पुरूष तथा 1171 महिला मतदाता हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियां वेबसाईट पर उपलब्ध है। उन्होंने अर्की निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की पुष्टि कर लें। मतदाता सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के साथ-साथ सहायक निर्वाचन अधिकारी कार्यालय (उपमण्डलाधिकारी कार्यालय अर्की) सहित बूथ स्तर के अधिकारियों के पास उपलब्ध हैं। कृतिका कुलहरी ने कहा कि उप निर्वाचन के सुचारू नियन्त्रण के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय सोलन में नियन्त्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इस कक्ष में उप निर्वाचन से सम्बन्धित जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 01792-220191, टोलफ्री नम्बर 1800-322-1950 तथा टोल फ्री नम्बर 01792-1950 अथवा 1950 पर बात की जा सकती है। 50-अर्की विधानसभा क्षेत्र में मतदान के लिए कुल 154 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 22 सहायक मतदान केन्द्र हैं। शहरी क्षेत्रों में कुल मतदान केन्द्र 3, शहरी सहायक मतदान केन्द्र 2, ग्रामीण मतदान केन्द्र 129 तथा ग्रामीण सहायक मतदान केन्द्रों की संख्या 20 हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 सितम्बर को निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता पूरे सोलन जिला में लागू हो गई है।
कुनिहार: प्रदेश में एक लोक सभा व 3 विधानसभा सीटों पर उप चुनाव की घोषणा होते ही आठ जिलों में लगी आचार संहिता के मध्य नजर अर्की विधान सभा के उपचुनाव के लिए सोलन जिला में भी आचार संहिता लग चुकी है व प्रशासन द्वारा डीसी सोलन कृतिका कुल्हारी के आदेशों का पालन करते हुए विकास को दर्शाते सरकारी होर्डिंग हटाने में जुट गया है। बुधवार को अर्की विधान सभा क्षेत्र के कुनिहार में लगे छोटे- बड़े सभी सरकार के विकासात्मक कार्य को दर्शाते होर्डिंग लोक निर्माण विभाग द्वारा हटाए गए।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में शिक्षा संवाद का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता विद्यालय प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा ने की। इस शिक्षा संवाद में एस एम सी प्रधान कृष्ण चन्द, बच्चों के अभिभावकों और अन्य सदस्यों ने भाग लिया। शिक्षा संवाद के साथ साथ "हर घर पाठशाला", "फिट इंडिया मूवमेंट" तथा मादक पदार्थो के सेवन से होने वाले नुकसान तथा ऑनलाइन से होने वाले फायदे एवं नुकसान के बारे में चर्चा एवं विचार विमर्श किया गया। इस दौरान अभिभावकों ने भी अपने विचार रखें। अन्त में प्रधानाचार्य दीपिका शर्मा ने अभिभावकों को कोरोना महामारी से अपना एवं बच्चों के बचाव एवं पढ़ाई पर विशेष ध्यान रखने की अपील की तथा बच्चों को प्रशासनिक दिशा निर्देशों के अनुसार विद्यालय भेजने को क
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र राम शहर में विकासखंड खोलने के लिये समाजसेवी अमरचंद ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को मांग पत्र प्रेषित किया। उन्होंने कहा कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले रामशहर का क्षेत्र शिवालिक की पहाड़ियों में बसा है और विकास के मामले में काफी पिछड़ा हुआ है। क्योंकि विकास का माध्यम पंचायती राज है और पंचायतों का मुख्यालय ग्रामीण विकासखंड नालागढ़ में है, जो इलाके से बहुत दूर पड़ता है। उनका कहना है की लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्यायों के लिए भी नालागढ़ का रुख करना पड़ता है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है और कई बार दीक्कतों के कारण कार्य अधर में ही लटक जाता है। उन्होंने कहा की रामशहर में विकासखंड खोलने के लिए पिछले 20 सालों से लगातार मांग उठाई जा रही है। पूर्व में प्रेम कुमार धूमल ने रामशहर में विकासखंड खोलने की घोषणा भी की थी। लेकिन आज तक यहां विकासखंड नहीं खुल पाया है। उन्होंने मांग की है अति शीघ्र ग्रामीण विकास पंचायती राज को आगे बढ़ावा देने के लिए राम शहर में विकासखंड खोला जाए।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 सितम्बर तथा प्रथम अक्तूबर को 11 केवी बड़ोग फीडर के आवश्यक कार्य के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड के सहायक अभियन्ता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 30 सितम्बर तथा प्रथम अक्तूबर को प्रातः 10.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक पावर हाउस रोड, डाकघर सपरून, गुरूद्वारा रोड तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। मौसम खराब होने की स्थिति में विद्युत आपूर्ति अगले दिवस पर बाधित की जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन कृतिका कुल्हरी ने आदर्श आचार संहिता सम्बन्धित गतिविधियां के नोडल अधिकारी के सम्बन्ध में पूर्व में जारी आदेशों में संशोधन किया है। इस संशोधन के अनुसार उपायुक्त सोलन के सहायक आयुक्त नरेन्द्र चौहान को आदर्श आचार संहिता की अनुपालना के लिए जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह हेल्पलाइन एवं शिकायत निवारण, सी-विजिल सहित विभिन्न स्वीकृतियों के लिए भी नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं। नरेन्द्र चौहान परिवहन प्रबन्धन के लिए भी नोडल अधिकारी रहेंगे। जिला नोडल अधिकारी से दूरभाष संख्या 01792-225308, 01792-223706 तथा मोबाइल नम्बर 94598-78383 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिला दण्डाधिकारी सोलन कृतिका कुल्हारी ने आपराधिक दण्ड संहिता 1973 की धारा-144 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सोलन जिला में किसी भी व्यक्ति, संस्था अथवा गैर सरकारी संस्था द्वारा सभी प्रकार के आग्नेय अस्त्र एवं गोला बारूद लेकर चलने पर प्रतिबन्ध लगा दिया है। जिला दण्डाधिकारी ने उक्त सभी को अपने आग्नेय अस्त्र एवं गोला बारूद सम्बन्धित पुलिस थाना अथवा शस्त्र एवं गोला बारूद विक्रेता के पास तुरन्त प्रभाव से जमा करवाने के निर्देश भी दिए हैं। यह आदेश पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों, सुरक्षा बलों, ड्यूटी पर तैनात सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं प्राधिकृत सुरक्षा कर्मियों पर लागू नहीं होंगे। जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि 28 सितम्बर को भारत के निर्वाचन आयोग ने सोलन जिला के 50-अर्की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए उप चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही पूरे जिले में तुरन्त प्रभाव से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र के उप निर्वाचन में 30 अक्तूबर को मतदान होगा तथा निर्वाचन प्रक्रिया 5 नवम्बर तक पूर्ण की जाएगी। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि सोलन जिला की पड़ौसी राज्यों के साथ स्थित सीमा, कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने एवं 50-अर्की निर्वाचन क्षेत्र में शांति पूर्ण उप चुनाव के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। इन आदेशों की अवहेलना पर भारतीय दण्ड संहिता की धारा-188 के तहत विधि सम्मत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह आदेश 5 नवम्बर तक लागू रहेंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरयाँज में प्रधानाचार्य प्रेम लाल नेगी की अध्यक्षता में कोविड नियमों का पालन करते हुए अध्यापकों व अभिभावकों के मध्य शिक्षा संवाद का आयोजन हुआ। इस शिक्षा संवाद में हर घर पाठशाला कार्यक्रम,आनलाइन शिक्षा में माता पिता की भूमिका, हाल ही में हुई परीक्षाओं में विद्यार्थियों का प्रदर्शन, मोबाइल फोन का उचित उपयोग व नशे से विद्यार्थियों की दूरी, शिक्षा-संवाद के मुख्य बिन्दु रहे।इस संवाद में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर भीम सिंह ठाकुर, दीपक ठाकुर, अनूप शर्मा, जय प्रकाश मिश्रा, देवी सिंह, अजय त्यागी, रमेश ठाकुर, हेमराज,पुष्पेन्द्र, डॉ मुक्तेश कुमार गौतम, सरोज, केशव वर्मा, प्रवीण कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
राजकीय उच्च पाठशाला कशलोग में मुख्याध्यापिका रेखा राठौर की अध्यक्षता में शिक्षा संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों के माता पिता व अभिभावकों ने बढ चढ़ कर भाग लिया। इस मौके पर बच्चों की ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली के बारे में चर्चा की गई। मुख्याध्यापिका रेखा राठौर ने कहा कि 9वीं से 10वीं कक्षा के बच्चों की सितंबर माह में ली गई परीक्षा में अभिभावकों ने अच्छी भूमिका निभाई है। आजकल 6वीं से 8वीं की SA-1 परीक्षा चल रही है आशा करते हैं कि सभी बच्चे ईमानदारी से परीक्षा दे रहे होंगें। ऑनलाइन पढ़ाई के कारण मोबाइल फोन का अधिक उपयोग आने वाले समय में चिंता का विषय बन सकता है इसके लिए अभिभावकों को जागरूक होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 9वीं, 10वीं के लिए सरकार द्वारा स्कूल खोलने के निर्णय से अभिभावक व बच्चों में काफी उत्साह दिख रहा है। मुख्याध्यापिका रेखा राठौर ने कहा कि आज की पीढ़ी नशे के प्रति प्रेरित हो रही है इसके लिए बच्चों के साथ मित्रता का व्यवहार करना चाहिए। बच्चों को दिए जाने वाले क्रियाकलापों को करने में अभिभावकों की अहम भूमिका रहती है इसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचने के लिए हम सभी को घर से बाहर निकलते समय मास्क का उपयोग अवश्य करना चाहिए। हाथों को साबुन से समय-समय पर नियमित रूप से धोएं।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय कोलका में मंगलवार को हिमाचल सरकार व शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शिक्षा संवाद का आयोजन किया गया। इस दौरान एफए-1 से एफए-2 तथा चल रही है, एसए-1 परीक्षा के विषय में अभिभावकों के साथ चर्चा की गई तथा हर घर पाठशाला के माध्यम से आने वाले पाठ्यक्रम और अभ्यास तथा इसमें अभिभावकों की भूमिका के बारे में उन्हें अवगत करवाया गया। इस मौके पर शिक्षा संवाद का प्रारंभ अभिभावकों को शिक्षा विभाग द्वारा प्रेषित शपथ दिलाकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा सुनीता, संजय, अश्वनी, ज्योति, हेमावती सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष नीम चंद की अध्यक्षता में शिक्षा संवाद का आयोजन किया गया।उपप्रधानाचार्य प्रकाश बट्टू ने मंच संचालन किया तथा उपस्थित सभी अभिभावकों का हार्दिक अभिनन्दन व स्वागत किया। प्रवक्ता राकेश ने हर घर पाठशाला के महत्व और अभिभावकों की भूमिका के बारें में, प्रवक्ता नरेंद्र कपिला ने अभिभावकों को बच्चों के द्वारा मोबाइल फोन का सदुपयोग करने व इस टेक्नोलॉजी का दुरुपयोग न करने बारे सचेत किया। अनीता कौंडल ने फिट इंडिया मूवमेंट के तहत सभी अभिभावकों को बच्चों को सभी प्रकार की गतिविधियों में भाग लेने को प्रेरित किया। नरेंद्र लाल प्रवक्ता ने व जागृति कपिल ने छात्रों की परीक्षा की प्रगति रिपोर्ट अभिभावकों के समक्ष रखी। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने अपने सम्बोधन में सभी अभिभावकों से आने वाले दिनों में बच्चों के प्रति आपका क्या कर्तव्य है तथा किस प्रकार से बच्चों को संस्कारी बनाना है के बारे में जानकारी दी। सूरजपुर पंचायत के पूर्व प्रधान ललित शर्मा ने स्कूल के विकास में प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर की सराहना की। अंत में प्रवक्ता विनोद ने उपस्थित सभी अभिभावकों का धन्यवाद किया।
दाड़लाघाट व आसपास के क्षेत्रों की हर गली हर मोहल्ले में आवारा कुत्तों की तादात बढ़ चुकी है। आवारा कुत्तों के झुंड आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। लोगों की मुश्किल यह है कि वे अपनी परेशानी बताएं तो बताएं किसे? न कोई अधिकारी सुनने वाला है न कोई विभाग इस तरफ ध्यान दे रहा है। ये कहना है दाड़लाघाट के स्थानीय लोगों का। लोगों बताया कि कई इलाकों में आलम यह है कि कुत्तों के इन झुंडों की वजह से बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं का अकेले घर से निकलना दूभर हो गया है। आए दिन आवारा कुत्तों के कारण छोटे-मोटे हादसे हो रहे हैं। रात्रि के समय यदि किसी को अपने ही घर जाना हो या फिर घर से बाहर किसी काम से जाना हो तो 10-12 कुत्तों का समूह पीछे पड़ भौंकने लग जाता है। लोगों की मांग है कि प्रशासन इस तरफ ध्यान दे। दाड़ला चौक में कई कुत्ते इतने खूंखार बन चुके है कि आपस में ही एक-दूसरे को काट देते हैं व लहूलुहान हो जाते हैं। इनकी हालत देख साधारण व्यक्ति भयभीत हो जाता है। इन आवारा कुत्तों से परेशान जनता प्रशासन से इसके कुछ समाधान की मांग कर रही है। दाड़लाघाट निवासी पूर्णिमा, सत्या ठाकुर, रीना, अनिल गुप्ता, ओमप्रकाश शर्मा, इंदर सिंह चौधरी, नरेंद्र सिंह चौधरी, मनोज गौतम, पवन, मदन, हेमराज, हंसराज, अरुण, निशांत गुप्ता, अमित, संजू, पंकज, राजेंद्र कपिल, नीरज कपिला, प्रदीप, मनोज, सुमन सहित स्थानीय ग्रामीणों ने बताया की दाड़लाघाट में आवारा कुत्तो का आतंक है। जगह-जगह कुत्ते इकट्ठे हो कर जोर-जोर से भौंकते हुई लड़ाई झगड़ा कर लोगों को परेशान करते है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरफ ध्यान दे ताकि स्थानीय लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।
भगत सिंह को एसएफआई सोलन इकाई द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एसएफआई का मानना है कि भगत सिंह सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि एक विचार है जो सभी पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। आज भी शाहिद भगत सिंह के सपने अधूरे हैं। लोगों को धर्म - जाति के आधार पर लडवाया जाता है, मजदूरों किसानों की हालत में कोई परिवर्तन नहीं आया है। देश के अंदर जिस समाजवादी व्यवस्था के लिए भगत सिंह और उनके साथी काम किया करते थे, उनको खत्म कर पूंजीवादी और फासीवादी व्यवस्था की तरफ देश को धकेला जा रहा है। शहीद भगत सिंह विद्यार्थी जीवन में ही बेहतरीन शिक्षा व्यवस्था और युवाओं पर अपने विचार की छाप छोड़ गए थे। उन्होंने विद्यार्थी और युवाओं के नाम बहुत से पत्र लिखे थे। आज उन पत्रों को पढ़ना बहुत जरूरी है क्योंकि भगत सिंह जिस देश का सपना देखा था वह अभी भी अधूरा है। शहीद ए आजम भगत सिंह एक ऐसे समाज की कल्पना करते थे, जिसमें किसी भी इंसान का शोषण ना हो और ना ही लोगों में धर्म जाति के आधार पर कोई भेदभाव हो। सभी लोग एक समान हो उनके बीच कोई भी अमीरी गरीबी की रेखा न हो। सभी को पढ़ने का अधिकार हो सभी को रोजगार मिले। पर आज हमारे देश के राजनेता लोगों को धर्म जाति के आधार पर मरवा रहे हैं। किसानों मजदूरों की स्थिति आज देश के अंदर बहुत खराब हो गई है। अमीरी गरीबी की रेखा में बहुत बड़ा फैसला आ गया है जिसके लिए सभी लोगों को एकजुट होना पड़ेगा और अपने हकों की लड़ाई लड़नी पड़ेगी ,तभी हम भगत सिंह के द्वारा देखी गई वैज्ञानिक समाजवादी व्यवस्था स्थापित कर सकेगे। एसएफआई जिला कमेटी सदस्या वंशिका ने कहा कि एसएफआई अपनी स्थापना के समय से ही शहीद भगत सिंह के विचारों पर चलकर देश के अंदर एक जनवादी वैज्ञानिक और प्रगतिशील शिक्षा व्यवस्था और देश के अंदर अन्य समस्याओ को लेकर संघर्ष करती रहती है। इस मौके पर - वंशिका, संजय, संतोष, शिवानी, नेहा, निति, अदिति, श्रेया, शानू , साक्षी, गरिमा इत्यादि शामिल रहे।
सोमवार को महिला एवं बाल विकास जिला सोलन द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह 2021 व मुख्यमंत्री सेवा संकल्प सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुरुषोत्तम गुलेरिया, उपाध्यक्ष खादी बोर्ड हिमाचल प्रदेश ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। आयोजन में पोषण प्रदर्शनी व On Spot Cooking प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें जिला की पांच टीमों ने भाग लिया व सभी ने पौष्टिक व्यन्जन बनाकर पेश किए। कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को पुरुस्कार भी वितरित किये गए,जिसमें On Spot Cooking प्रतियोगिता में सोलन के वृत रूरल को प्रथम, वृत कसौली को द्वितीय व वृत कुमारहट्टी को तृतीय पुरुस्कार दिया गया। इस अवसर पर पोषण रंगोली का भी आयोजन किया गया जिसमें वृत कुमारहट्टी की टीम सी द्वारा फल व सब्जियों से बनाई गई पोषण के पाँच सूत्र रंगोली को प्रथम पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वृत कुमारहट्टी द्वारा समूह गान व वृत भोजनगर द्वारा पोषण कवाली प्रस्तुत कर पोषण माह का संदेश आम जनता तक पहुँचाया गया। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी सोलन सुरेंदर टेगता, बाल विकास परियोजना अधिकारी सोलन कविता गौतम, कंडाघाट पवन कुमार, सशक्त महिला समूह व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं साहिकाएँ मौजूद रही।
बिजली की वोल्टेज अचानक बढ़ जाने से ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के गांव स्यार में कई लोगों के घरों में लगे अनेक विद्युत उपकरण जल गए।स्यार गांव में लोगों के घरों में बल्व, ट्यूब लाईट गिज़र, ब्लोअर, टीवी, फ्रिज व अन्य विद्युत् उपकरण भी जल गए। इससे स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के प्रति भारी रोष है। गांव स्यार के निवासी नीरज कपिला, पंकज कपिला, अभिनव, दीप राम, सरताज सिंह राठौर, रोशन, बॉबी, प्रदीप सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनके घरों में लगी एलसीडी सहित अन्य विद्युत उपकरण अचानक वोल्टेज बढ़ने से जल गए। क्षेत्र में कई अन्य लोगों ने भी विद्युत उपकरण जलने की शिकायत की है। वही लोगों ने इसकी शिकायत 1100 पर की है। लोगों का कहना है कि हर माह मरम्मत व रख रखाव के नाम पर विभाग पूरा दिन विद्युत आपूर्ति बंद रखता है, फिर भी इस तरह के हादसे होना चिंता का विषय है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि विभाग उनके घरों में हुए नुकसान की भरपाई करें अन्यथा उपभोक्ता अदालत में इस मामले को उठाएंगे। इस संबंध में विभाग के एसडीओ तृप्त राज ने बताया कि तकनीकी खामी के चलते यह समस्या पेश आई है जिसे ठीक कर दिया है।
डॉ.वाई एस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में 2021-22 शैक्षणिक सत्र के लिए बागवानी, वानिकी, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि व्यवसाय और व्यापार प्रबंधन कार्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर तक बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रमों के लिए आवेदन करने के इच्छुक छात्र विश्वविद्यालय के एडमिशन पोर्टल पर अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रत्येक कार्यक्रम के लिए विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है। इस वर्ष, विश्वविद्यालय भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की ICAR AIEEA (UG) 2021 के स्कोर पर बीएससी (ऑनर्स) बागवानी, बीएससी (ऑनर्स) वानिकी और बीटेक जैव प्रौद्योगिकी की सामान्य सीटों में एडमिशन देगा। एमएससी, एमबीए (कृषि व्यवसाय) और पीएचडी की सामान्य और स्व-वित्तपोषित सीटें पर प्रवेश क्रमशः ICAR AIEEA (PG) और AICE-JRF/SRF में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रशांत सरकेक ने बताया कि जिन छात्रों ने इस महीने की शुरुआत में आयोजित स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में दाखिलों के लिए आईसीएआर परीक्षा दी है और विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक हैं, ऐसे छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन भरना होगा। उन्होंने बताया कि वह उम्मीदवार जो आईसीएआर परीक्षा नहीं दे पाए हैं वह भी स्नातक कार्यक्रमों की स्व-वित्तपोषित सीटों के लिए आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर बीएससी और बी टेक जैव प्रौद्योगिकी कार्यक्रमों की स्व-वित्तपोषित सीटों पर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। कुलसचिव ने कहा कि विश्वविद्यालय में ऑनलाइन आवेदन पत्र और ऑनलाइन भुगतान रसीद जमा करने में विफल रहने वाले उम्मीदवार विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए पात्र नहीं होंगे। आईसीएआर परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विश्वविद्यालय द्वारा वेबसाइट पर ऑनलाइन काउंसलिंग के कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। ऑनलाइन मोड के अलावा अन्य किसी भी प्रकार का आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
सोमवार को सोलन जिला में सयुंक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद के आवाहन पर PWD रेस्ट हाउस सोलन से DC ऑफिस तक किसान रैली को निकालकर भारत बंद के समर्थन में प्रदर्शन किया। संयुक्त किसान मोर्चा में 4 विभिन्न किसान संगठनों से जुड़े किसान व सदस्यों ने हिस्सा लिया। सोलन के किसानों ने केंद्र सरकार व कृषि बागवानी मंत्री की खिलाफ नारे लगाए व तीनो कृषि कानून को तुरन्त रदद् करने के लिए कहा। संयुक्त किसान मोर्चा सोलन के सहसंयोजक नीतीश ठाकुर ने कहा कि किसानों की उन्नति बिना फसलों के MSP पर बने क़ानून के बिना मुमकिन नही है, हिमाचल प्रदेश सरकार ने झूठे वादे ही किए और जुमलेबाजी ही किसानों को मिली है। साथ ही नीतीश ने कहा कि जहाँ सेब बागवान सभी पार्टियों के साथ होते हुए भी किसान व सेब की बागवानी को ख़तरे में देख एकजुटता से जबरदस्त आंदोलन कर सेब के उचित व लाभकारी मूल्य के लिए सड़कों पर लामबंध हुए हैं, वे हम टमाटर सब्जियों के उत्पादकों के लिए प्रेरणास्रोत है। ग्रामीण संघर्ष समिति के सचिव मनोज वर्मा ने कहा ही मौजूदा सरकार ने किसानों को छलने का काम ही किया है। टमाटर व सब्जियों के उचित दाम सोलन के किसान बागवानों को भी मिल सकते हैं, किंतु मौजूदा सरकार सालों साल से किसानों को टमाटर सब्जी प्रोसेसिंग यूनिट पर सिर्फ गुमराह कर वोट बटोर कर सत्ता पर काबिज हो जाती हैं और किसानों को टमाटर सब्जियों से लाभकारी दाम से हमेशा ही महरूम रहना पड़ता है। वही मनीष ठाकुर सँयुक्त किसान मोर्चा सोलन संयोजक ने केंद्र सरकार को आड़े हाथो लिया और तीनो कृषि कानून को वापिस करने के लिए कहा, यदि सरकार तीनो कानून को वापस नही करती तो कोई न कोई नई सरकार ये काम करेगी और किसान भी उन्हीं सरकार को अपना समर्थक देगी जो किसानों की मांगों को अपने मेनिफेस्टो में अंकित करेगा जिसमे तीनो कानून को रद्द करना, फसलों पर MSP कानून बनाना, दूध के लिए चिल्लिंग प्लांट व एक डिपू स्टोर का निर्माण जहाँ किसानों को सस्ती दर पर तूड़ी, फीड व दवाइयां उपलब्ध करवाई जाए। जयराम सरकार व उनके मंत्री किसानों पर उलटी सीधी बयानबाजी दिन प्रतिदिन देते है। इससे अच्छा होता वे किसानों की फल सब्जियों की फसलों का लाभकारी दाम दिलाने के लिए MSP लागू करते और किसान के पक्ष में नीति बनाते। संयुक्त किसान मोर्चा सोलन की रैली में कंडाघाट, सोलन व धर्मपुर ब्लॉक से सैकड़ो किसानों ने भाग लिया । सड़को पर संघर्ष किए बिना अपनी मांगों को जब तक किसान नही लड़ेगा तब तक वह समृद्ध नही बन सकता। साथ ही संयुक्त किसान मोर्चा सोलन में आने वाले दिनों में गाँव मे छोटी छोटी मीटिंग आयोजित कर किसानों को शिक्षित करेगा। इसके बाद महापंचायत द्वारा सरकारों की किसान विरोधी नीतियों का विरोध करेगा। इस प्रदर्शन में मनीष ठाकुर, मनोज वर्मा, देवेंद्र, विकास ठाकूर, नीतीश ठाकुर, अनोखी राम वर्मा, मोहित, प्यारे लाल वर्मा, अशोक वर्मा, जोगिंदर, अमन, अनिल, सुरेश, तारा दत्त आशीष, कली राम हरबन्स, मदन, नरेन्द्र आदि सेकड़ो किसान शामिल रहे।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन में प्रधानाचार्य सरताज सिंह की अध्यक्षता में विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वोकेशनल ट्रेनर आरती के मार्गदर्शन में जमा दो कक्षा की छात्रा हिमानी ने विश्व पर्यटन दिवस पर विस्तार से जानकारी दी तथा अपने वक्तव्य में कहा कि कोविड काल में पर्यटन के क्षेत्र में भारी कमी आई। जबकि पर्यटन का क्षेत्र विश्व में सबसे तेजी से आय अर्जित करने वाला क्षेत्र है। इस अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता भी करवाई गई। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने भी विश्व पर्यटन दिवस पर सभी को हार्दिक बधाई व शुभकामनाए दी तथा कहा की भारत में पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं है। इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य प्रकाश बट्टू,राकेश शर्मा, विनोद कुमार, सुमन देवी, नीलम शर्मा, रेणुका, नरेंद्र लाल, आरती, अनीता, किरण, लता देवी, उर्मिला ठाकुर, वीना कुमारी, मंजू, जागृति कपिल, सुषमा, प्रवीण, मुकेश, पूनम, विजय, विमला, चमन, जितेंद्र चंदेल, रजनीश शर्मा आदि उपस्थित थे।
मैसर्ज पाॅयनियर एम्ब्रोयाड्रिज लिमिटिड तथा जेगहम मेडिकल सर्विसिज प्राईवेट लिमिटिड में विभिन्न श्रेणियों के पदों को भरने के लिए कैम्पस साक्षात्कार 29 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी जिला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने आज यहां दी। उन्होंने कहा कि कैम्पस साक्षात्कार जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन में प्रातः 10.00 बजे से आयोजित किया जाएगा। मैसर्ज पाॅयनियर एम्ब्रोयाड्रिज लिमिटिड में विभिन्न प्रकार के ऑपरेटर्स के 300 पद भरे जाएंगे। इसके लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता 8वीं एवं इससे अधिक निर्धारित की गई है। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। संदीप ठाकुर ने कहा कि जेगहम मेडिकल सर्विसिज प्राईवेट लिमिटिड में फील्ड एडवाईजर एवं फील्ड सुपरवाईजर के 35 पद भरे जानें हैं। इन पदों के लिए आयु सीमा 21 वर्ष से अधिक तथा शैक्षणिक योग्यता 10वीं एवं इससे अधिक निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी 29 सितम्बर को सभी अनिवार्य दस्तावेजों सहित जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन में कैम्पस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 01792-227242, मोबाइल नम्बर 70189-18595, 98170-69798, 98826-74079 पर सम्पर्क किया जा सकता है।


















































