**5 वर्ष तथा 15 वर्ष के बच्चों के आधार अपग्रेडेशन होगा निशुल्क **बाल विकास अधिकारियों को निर्देश, बच्चों के अभिभावकों को करें प्रेरित कांगड़ा जिला में बाल विकास अधिकारियों के माध्यम से शून्य से पांच वर्ष आयुवर्ग के बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए अभिभावकों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं इस के लिए आंगनबाड़ी स्तर पर शून्य से पांच वर्ष आयुवर्ग के जिन बच्चों के आधार कार्ड नहीं बने हैं उसका डाटा बेस तैयार करने के लिए कहा गया है। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने उपायुक्त कार्यालय परिसर में आधार को लेकर समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि कांगड़ा जिला में शून्य से लेकर पांच वर्ष तक के 31 हजार बच्चों के अभी तक आधार कार्ड नहीं बने हैं, जिसके चलते ही अब बच्चों के आधार कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान भी आरंभ किया जाएगा ताकि सभी बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा सकें। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने कहा कि पांच वर्ष तथा पंद्रह वर्ष की आयु पूर्ण होने पर भी बच्चों को आधार कार्ड अपडेट करवाना जरूरी है इस के लिए स्कूल के बच्चे अपने अपने मुख्यध्यापकों या प्रधानाचार्यों से संपर्क करें ताकि आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने कहा कि छात्रवृतियां तथा अन्य सुविधाओं के लिए आधार कार्ड की लिकेंज जरूरी है, अगर आधार कार्ड अपडेट नहीं होगा तो छात्रवृतियां या अन्य सुविधाओं के लिए बच्चों को परेशानी हो सकती है। अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने कहा कि सभी नागरिकों को दस वर्ष में एक बार आधार कार्ड अपडेट करवाना जरूरी है तथा यूडीआईए की ओर से आधार अपडेग्रेशन के लिए 14 सितंबर 2024 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि आधार एक अतिमहत्वपूर्ण दस्तावेज है इसके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं का लाभ मिलता है इसलिए इसका अपडेटेड होना जरुरी और लाभदायक है। अगर आपका आधार अपडेटेड होता है तो आपको केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में बहुत आसानी होती है।
देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की दूसरी रेंडमाइजेशन रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा की अध्यक्षता में आज वीरवार को सम्पन्न हुई। एसडीएम कार्यालय देहरा में ईएमएस 2.0 सॉफ्टवेयर का उपयोग करके दूसरी रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया को निर्वाचन विभाग द्वारा पूरा किया गया। इस दौरान चुनाव लड़ रहे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रेंडमाइजेशन से पहले उम्मीदवारों के प्राधिकृत प्रतिनिधियों को रेंडमाइजेशन प्रक्रिया के बारे अवगत करवाया गया। रेंडमाइजेशन के उपरांत प्रत्याशियों के प्राधिकृत व्यक्तियों को ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की सूची प्रदान की गई। रेंडमाइजेशन के उपरांत तय हुआ कि कौन सी मशीन किस बूथ को भेजी जानी है। रिटर्निंग अधिकारी शिल्पी बेक्टा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की दूसरी रेंडमाइजेशन को आज यहां किया गया है। उन्होंने बताया कि देहरा विधानसभा क्षेत्र में 100 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। अब सूची के अनुसार ही इन पोलिंग बूथों पर ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को भेजा जाएगा। रेंडमाइजेशन के दौरान ही कुछ मशीनें रिजर्व रखी गई हैं ताकि किसी मशीन में अगर तकनीकी खराबी आ जाए तो उसे रिजर्व मशीन से बदला जा सके। इसके अतिरिक्त कुछ मशीनों को प्रशिक्षण के लिए आवंटित किया गया है।
26 जून, को विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस मनाया गया। इस वर्ष का थीम " साक्ष्य स्पष्ट है, रोकथाम पर निवेश करें" के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस उपलक्ष्य पर अंतर सदन भाषण प्रतियोगिता ( कनिष्ठ व वरिष्ठ वर्ग), चित्रकला व नारालेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशीली दवाओं से दूर रखना और नशीली दवाओं की तस्करी पर अंकुश लगाना है। नशे की लत से होने वाले खतरो को अपने भाषण के माध्यम से प्रतिभागियो ने उजागर किया। भाषण प्रतियोगिता में कनिष्ठ वर्ग में कुमारी सानवी कक्षा आठवीं प्रथम स्थान, कुमारी हर्षिता आठवीं कक्षा ने द्वितीय स्थान व कुमारी प्रियंका आठवी कक्षा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि वरिष्ठ वर्ग में सुजल गर्ग जमा एक कक्षा ने प्रथम स्थान, ध्रुव शर्मा जमा दो कक्षा ने द्वितीय स्थान व यश कक्षा नवम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं चित्रकला में कुमारी नीलम कक्षा सातवी प्रथम, कुमारी राइमा परमार कक्षा सातवी ने द्वितीय स्थान तथा कुमारी हिमांशी कक्षा आठवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।विद्यालय की प्रधानाचार्या स्मृति नेस्टा ने अपने संबोधन में कहा कि हमें स्वस्थ व नशा मुक्त समाज निर्माण के लिए नशे पर पूर्ण अंकुश लगाना होगा साथ ही दवा व्यापार के जोखिमों के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों ने नशा न करने की शपथ भी ली।
**सामान्य पर्यवेक्षक ने नोडल अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज यहां भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक (भा.प्र.से.) वेद पति मिश्र की अध्यक्षता में नोडल अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप-चुनावों के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय पर्यवेक्षक एन. कार्तिक सहित ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। सामान्य पर्यवेक्षक ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न करने के लिए सभी नोडल अधिकारी अपनी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें। उन्होंने कहा कि ई.वी.एम. के भण्डारण एवं परिवहन में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाए। सभी निगरानी दल अपने कार्यों का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करें। उन्होंने मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब एवं अन्य मद्य पदार्थों के वितरण, नकदी व अन्य प्रलोभनों पर कड़ी नज़र बनाए रखने के निर्देश दिए। पुलिस व राज्य कर एवं आबकारी विभाग को अवैध रूप से वितरित अथवा भण्डारण किए गए मद्य पदार्थों एवं नकदी की धर-पकड़ के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से सम्बन्धित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए। इस सम्बन्ध में कोई भी व्यक्ति सी. विजिल ऐप अथवा टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 1950 पर शिकायत कर सकता है। उन्होंने लाईसेंस धारकों से हथियार जमा करवाने, मतदान दलों के आवागमन के लिए परिवहन की समुचित व्यवस्था, दिव्यांग मतदाताओं (पीडब्ल्यूडी) के लिए मतदान केन्द्रों पर सभी न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता (स्वीप) गतिविधियों के बारे में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वेद पति मिश्र ने कहा कि सभी राजनीतिक दल आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान व्यक्तिगत आक्षेप करने से बचें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने स्टार प्रचारकों की सूची समय पर उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर प्रचार सामग्री लगाने से सम्बन्धित दिशा-निर्देशों की अनुपालना करने को भी कहा। व्यय पर्यवेक्षक एन. कार्तिक ने कहा कि उप-चुनाव के दौरान उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों द्वारा किए जाने वाले चुनावी व्यय पर कड़ी नज़र रखी जाए। उन्होंने उड़न दस्तों, स्थैतिक निगरानी दलों, वीडियो निगरानी दलों, वीडियो व्यूइंग दलों तथा लेखा दलों को इस संदर्भ में निरंतर निगरानी बनाए रखने एवं चुनावी व्यय से सम्बन्धित रिपोर्ट प्रेषित करने व आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि एक उम्मीदवार के लिए चुनावी व्यय की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपए तय की गई है। उन्होंने 10 लाख रुपए से अधिक की निकासी तथा अन्य संदिग्ध नकदी निकासी पर कड़ी नज़र रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चुनावी व्यय से सम्बन्धित शैडो रजिस्टर तैयार करने और लेखा दल से इसका मिलान सुनिश्चित करने को भी कहा। ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने कहा कि उप-चुनावों के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के साथ लगते अंतरराज्यीय सीमा क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने दायित्वों का पूरी गम्भीरता के साथ निर्वहन करना सुनिश्चित करें। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक बद्दी इलमा अफ़रोज़, निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, सहायक आयुक्त विवेक शर्मा सहित ज़िला व निर्वाचन क्षेत्र स्तर के सभी नोडल अधिकारी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त एवं संधीरा सीनू सिंह, भारतीय जनता पार्टी के चंद्रकांत शर्मा व राजपॉल वर्मा, बहुजन समाज पार्टी से राकेश बराड़, निरंजना एवं सुनीता चौहान तथा निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
विजय मेमोरियल स्कूल, इंदौरा में ऑल इंडिया प्रिंसिपल संगठन द्वारा शिक्षा पद्म सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आईपा फाउंडर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर नवदीप भारद्वाज ने विशेष भूमिका निभाई । यह कार्यक्रम प्रिंसिपल एवं डायरेक्टर्स के लिए विशेष रूप से था। इस कार्यक्रम की शोभा लगभग 14 राज्यों से आए 101 प्रिंसिपल एवं डायरेक्टर्स ने अपनी हाजिरी लगाकर बढाई। आईपा पैटर्न एस के मिश्रा सुमन शुक्ला, कोमल शर्मा, कांगड़ा सिटी कोऑर्डिनेटर सुनील कांत चढ़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अमर जवान स्थल पर शहीदों को श्रद्धांजलि समर्पित करके की गई। बाद में दीप प्रज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस समारोह में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई, जिसमें गणेश वंदना तथा बिहू डांस ने खूब प्रशंसा लूटी। इस अवसर पर शिक्षा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्तम प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया । आईपा राज्य अध्यक्ष एवं गैलेक्सी पब्लिक स्कूल प्रिंसिपल अनुराग शर्मा ने विजय मेमोरियल स्कूल इंदौरा के डायरेक्टर सचिन शर्मा तथा स्कूल प्रधानाचार्य सोनिया शर्मा का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिनकी वजह से हिमाचल प्रदेश में आज आईपा अवार्ड, हिमाचल प्रदेश चैप्टर- 2 का सफल आयोजन किया जा सका। आईपा संगठन की तरफ से विजय मेमोरियल स्कूल इंदौरा के फाउंडर वर्षा शर्मा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस मौके पर वर्षा शर्मा ने कहा कि लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित होना विजय मेमोरियल स्कूल के लिए एक गर्व का पल है। इस उपलब्धि के लिए हम अपने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को समर्पित करते हैं ,जो हमारे स्कूल की शिक्षा में मेहनती रूप से योगदान देते हैं। ऑल इंडिया प्रिंसिपल संगठन ने विजय मेमोरियल स्कूल को शिक्षा तथा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विजय मेमोरियल स्कूल अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं को प्रदान करते हुए जिला कांगड़ा का अग्रणी स्कूल है और इस अवसर विभिन्न स्कूलों से आए प्रिंसिपलों ने अपने विचार अभिव्यक्त करते हुए कहा कि विजय मेमोरियल स्कूल के विकासशील कार्यक्रम और उनकी प्रासंगिक सामाजिक पहल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत की है। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा ने विभिन्न स्कूलों से आए 101 प्रिंसिपलों का धन्यवाद करते हुए उनको बड़े गर्व के साथ बताया कि विजय मेमोरियल स्कूल पिछले 38 सालों से शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है । कार्यक्रम के सफल आयोजन पर स्कूल के डायरेक्टर इंजीनियर सचिन शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी विजय मेमोरियल स्कूल इस तरह के कार्यक्रमों का सफल आयोजन करता रहेगा।
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप-चुनाव के दृष्टिगत आज डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में सहायक पीठासीन अधिकारियों (पी.आर.ओ) और सहायक पीठासीन अधिकारियों (ए.पी.आर.ओ) तथा मतदान अधिकारियों (पी.ओ.) के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता इन उप-चुनावों के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. वेद पत्ति मिश्र ने की। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित पीठासीन अधिकारियों और सहायक पीठासीन अधिकारियों तथा मतदान अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह मतदान प्रक्रिया से सम्बन्धित सभी नियमों एवं निर्देशों तथा ई.वी.एम. एवं वी.वी.पैट. की कार्य प्रणाली के बारे में समुचित जानकारी प्राप्त कर लें। साथ ही इन मशीनों के संचालन के बारे में पूरी गम्भीरता और सजगता के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सम्पन्न करने में पीठासीन व मतदान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया से सम्बन्धित किसी भी प्रकार की शंका के निवारण के लिए वह अपने उच्चाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम.) के सुचारू संचालन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित मतदान कर्मियों को रिहर्सल के दौरान सिखाई गई प्रक्रिया को ठीक से समझने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर नायब तहसीलदार (निर्वाचन) दीवान सिंह ठाकुर ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से उपस्थित मतदान कर्मियों को मतदान प्रक्रिया, ई.वी.एम संचालन और मतदान कर्मियों के दायित्वों व कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। नालागढ़ विधानसभा उप-चुनाव के लिए मतदान के लिए 121 मतदान केंद्र स्थापित किए गए है। इन मतदान केन्द्रों में 62 पीठासीन अधिकारी, 76 सहायक पीठासीन अधिकारी और 142 मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय कुमार यादव, नायब तहसीलदार निर्वाचन दीवान सिंह ठाकुर, निर्वाचन कानूनगो राखी पुंडीर व ललित कुमार सहित मतदान अधिकारी उपस्थित थे।
ज़िला दण्डाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत नदी-नालों एवं खड्डों इत्यादि के किनारें न जाने बारे आवश्यक आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों के अनुसार सोलन ज़िला की सीमा में अश्वनी खड्ड में, खड्ड के दोनों किनारों पर तथा इसके आस-पास के स्थानों और सोलन तहसील के राजस्व गांव सेर बनेड़ा में गिरीपुल पर गिरी नदी के किनारे स्थित शनि मंदिर के समीप एवं आस-पास के क्षेत्र में सभी प्रकार की अनाधिकृत पर्यटन और व्यवसायिक गतिविधियों को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया है। इन आदेशों के अनुसार अश्वनी खड्ड और गिरी नदी में स्नान करने तथा इनके किनारों पर पिकनिक मनाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इन आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि मानसून के मौसम में भारी वर्षा के कारण नदी, नालों के किनारे जाना खतरनाक सिद्ध हो सकता है। अधिकतर मौकों पर पर्यटक नदी एवं खड्डों में नहाने के लिए चले जाते हैं। ऐसे में किसी भी कारण से नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि पर्यटकों के जीवन को खतरा पैदा कर सकती है। उन्होंने स्थानीय पुलिस को ज़िला पर्यटन अधिकारी के साथ सक्रिय समन्वय स्थापित करते हुए इन निर्देशों को अक्षरशः लागू करने के भी निर्देश दिए हैं। यह आदेश तुरन्त प्रभाव से लागू हो गए हैं और अगले दो माह तक प्रभावी रहेंगे। इन आदेशों का उल्लंघन करने पर विधि सम्मत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आर.एस. बाली ने कहा कि राज्य सरकार निजी क्षेत्र के सहयोग से सार्वजनिक निजी साझेदारी प्रणाली के तहत पर्यटन अधोसंरचना के सतत विकास के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग द्वारा प्रदेश में व्यवसाय के अवसरों पर चंडीगढ़ में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल एक शांतिप्रिय और बेहतर कानून व्यवस्था वाला राज्य है जहां पर्यटन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। प्रदेश सरकार इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में अग्रसर है। सरकार पर्यटन क्षेत्र के माध्यम से राज्य की आर्थिकी को मज़बूत बनाने के साथ-साथ युवाओं को इस क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं एवं अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करने के लिए एशियन विकास बैंक के अंतर्गत तैयार की जा रही परियोजनाओं के विकास, प्रबन्धन एवं संचालन में निजी क्षेत्र की साझेदारी सुनिश्चित करना है। हिमाचल प्रदेश में निजी क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए भविष्य में देश के अन्य स्थानों में भी इस तरह के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन में निजी क्षेत्र के विशेषज्ञों ने डिजाइन, साझेदारी संरचना और एडीबी की उप-परियोजनाओं आदि के अंतर्गत विभिन पहलुओं पर बहुमूल्य सुझाव और प्रतिक्रियाएं प्रस्तुत कीं। प्रस्तुति के दौरान निजी निवेशकों ने सार्वजनिक निजी भागीदारी के लिए उपलब्ध सम्पत्तियों में विशेष रूचि दिखाई। प्रधान सचिव पर्यटन देवेश कुमार, निदेशक पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मानसी सहाय ठाकुर, ताज, आईटीसी, महिन्द्रा, ओबरॉय, सरोवर आदि जैसे प्रमुख होटल समूहों के प्रतिनिधियों और निजी क्षेत्रों से डिलॉयट व पीडब्ल्यूसी परामर्श एजेंसी ने भी इस सम्मेलन में भाग लिया। इसके अलावा, मनीला और नई दिल्ली से एशिया विकास बैंक के अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
**देश-विदेश में पहली पसंद छरमा के उत्पाद **2012 से 2015 बैच के आईएफएस अफसरों ने दिखाई दिलचस्पी काजा: जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में तैयार होने वाले किंग ऑफ विटामिन सी यानी छरमा (सीबकथॉर्न) के उत्पाद देश-विदेश में पसंद बन चुके हैं। वाइल्ड लाइफ डिविजन स्पीति के तहत विभिन्न स्वयं सहायता समूह छरमा के कई उत्पाद तैयार कर रहे हैं, जिसे खरीदने के लिए 2012 से 2015 बैच के भारतीय वन सेवा के अफसरों ने भी दिलचस्पी दिखाई। गत बुधवार को देश के भिन्न-भिन्न राज्यों की 31 सदस्यीय आईएफएस अफसरों की टीम एक्सपोजर विजिट पर वाइल्ड लाइफ डिविजन स्पीति पहुंची। काजा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस टीम ने जाइका से जुड़े 9 स्वयं सहायता समूहों से संवाद किया। इस दौरान यहां उपलब्ध छरमा चाय, जूस, बैरी, सूखे सेब समेत अन्य उत्पादों की खूब बिक्री हुई। डीसीएफ स्पीति मंदार उमेश जेवरे ने बताया कि चंद घंटों में ही 12 हजार रुपये की सेल हुई। उन्होंने कहा कि आज देश-विदेश में छरमा के औषधीय उत्पादों की मांग बढ़ रही है। मंदार उमेश जेवरे ने कहा कि देश के भिन्न-भिन्न राज्यों से आए आईएफएस अधिकारी स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए ऐसे उत्पादों पर शोध करेंगे। गौरतलब है कि स्पीति के सीबकथॉर्न यानी छरमा से बनने वाले उत्पाद देश व दुनिया में पसंद किए जाएंगे। वर्तमान में भी इसके उत्पादों को लोग पसंद करते हैं, परंतु यह हिमाचल में आसानी से नहीं मिल पाते। बताया जाता है कि कैंसर-शुगर मरीजों के लिए रामबाण छरमा से कई तरह की दवाएं भी तैयार की जाती हैं। दवाओं के निर्माण में इसकी डिमांड काफी ज्यादा है। सीबकथॉर्न की पत्तियों में विटामिन सी समेत कई दूसरे पोषक तत्व प्रचूर मात्रा में होते हैं। जाइका वानिकी परियोजना से जुड़े स्वयं सहायता समूह छरमा के उत्पाद तैयार कर अपनी आर्थिकी को और मजबूत कर रहे हैं।
केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में शिक्षाशास्त्रविद्याशाखा के अंतर्गत प्राक शास्त्री (10+2) व शिक्षा शास्त्री (बीएड) की कक्षाएं आरंभ कर दी गई। इस उपलक्ष में प्राक शास्त्री एवं शिक्षाशास्त्री छात्रों का सत्रारम्भ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि परिसर की निदेशक प्रो.सत्यम कुमारी उपस्थित रहीं। वहीं मुख्यवक्ता के रूप में वेदान्त के विभागाध्यक्ष प्रो.मञ्जुनाथ भट्ट शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएड विभाग के अध्यक्ष प्रो.शीशराम ने की।मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित परिसर निदेशिका प्रो. सत्यम कुमारी ने छात्रों को निष्ठापूर्वक अध्ययन एवं समय के सदुपयोग करने हेतु विशेषरूप से प्रेरित किया,जिससे सभी छात्र अपने माता-पिता एवं गुरुजनों की अपेक्षा के अनुरूप अपने जीवन में सफलता को प्राप्त कर सकें। वहीं मुख्यवक्ता प्रो.मञ्जुनाथ भट्ट ने सभी नए छात्रों को शुभकामनाएं प्रदान की। कार्यक्रम एवं विभागाध्यक्ष प्रो.शीशराम ने सभी छात्रों को विशेषरूप से बधाई दी तथा जीवन में आगे बढ़ने हेतु प्रेरित एवं आश्वस्त करते हुए कहा कि आप सभी छात्र शैक्षणिक गतिविधियों में पूर्णरूप से सहयोग करें। बी एड विभाग के अध्यक्ष प्रो शीशराम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राकशास्त्री कक्षा में कुल 109 व शिक्षाशास्त्री(बी एड) प्रथम वर्ष में 39 नए छात्र-छात्राओं को दाखिला मिला है। शान्ति मंत्र के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ.सत्यदेव ने किया। इस अवसर पर बीएड विभाग के सभी प्राध्यापक मौजूद रहे।
बिलासपुर : पुलिस द्वारा बिलासपुर में कुछ दिन पूर्व हुए गोलीकांड के सूत्रधार (मास्टर माइंड) बताए जा रहे पूर्व विधायक बम्बर ठाकुर के बेटे पुरंजन ठाकुर को वीरवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। बिलासपुर पुलिस की टीम ने पुरंजन ठाकुर को सुबह साढ़े 9 के करीब जिला न्यायालय परिसर से उस वक्त गिरफ्तार किया जब पुरंजन ठाकुर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के लिए पहुंचा था। गौरतलब है कि गत बुधवार को पुरंजन ठाकुर के वकील ने हाईकोर्ट शिमला में अग्रिम जमानत हेतु लगाई अर्जी वापिस ले ली थी व आत्मसमर्पण कर देने की बात कही थी। हाईकोर्ट ने उसे वीरवार 10 बजे तक बिलासपुर अदालत में आत्मसमर्पण करने के लिए कहा था। वीरवार को जैसे ही पुरंजन ठाकुर आत्मसमर्पण करने के लिए न्यायालय परिसर पहुंचा त्यों ही पहले से ही ताक में बैठी बिलासपुर पुलिस की टीम ने उसे न्यायालय कक्ष के अंदर प्रवेश करने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि बीते 20 जून को बिलासपुर जिला कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े एक युवक सौरभ पटियाल पर गोलियां चली थीं। साैरभ पटियाल 23 फरवरी को जबली में रेलवे कार्यालय में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए हमले का मुख्य आरोपी है। गोलीकांड के दिन वह पेशी के लिए कोर्ट आया हुआ था। पुलिस की जांच में गोलीकांड का मुख्य आरोपी बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर का बड़ा बेटा पुरंजन ठाकुर निकला। इसको लेकर बिलासपुर के एसपी ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से खुलासा किया था। गोलीकांड के मुख्य आरोपी शूटर सन्नी गिल ने पुलिस पूछताछ में पुरंजन का नाम उगलते हुए कबूला था कि उसने ही ये सारी साजिश रची थी।
कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर देर रात कोटी रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौ*त हो गई है। मृत*क परवाणू क्षेत्र का रहने वाला था। हादसे के बाद रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर श*व कब्जे में लेकर जांच शुरू की। ट्रेन शिमला से कालका की तरफ जा रही थी। रेलवे पुलिस निरीक्षक कुलवंत नेगी ने हादसे की पुष्टि की है ।
धर्मशाला: फोरलेन कार्य के दौरान नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से दौलतपुर के नजदीक जंक्शन प्वाइंट पर तीन विभिन्न ग्राम पंचायत के रास्ते को बाधित कर दिया गया है। इस कारण ग्राम पंचायत दौलतपुर, कुल्थी और बालोल के लोग परेशान हैं। समस्या का समाधान न होने से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने उपमंडल अधिकारी नागरिक कांगड़ा इंशात जसवाल को समस्या के समाधान के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा। साथ ही उपमंडल अधिकारी कांगड़ा को अवगत करवाया कि उपरोक्त समस्या से लगभग 4,000 के करीब आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने कहा कि रास्ता बंद होने से उन्हें बाजार, बैंक, उचित मूल्य की दुकान पर जाने और बच्चों को जाने में परेशानी हो रही है। इस पर उपमंडल अधिकारी नागरिक कांगड़ा ईशांत जसवाल ने समस्या का समाधान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
ब्यास व पार्वती नदी में फोटो खींचने के लिए सैलानी अपनी जान को भी जोखिम में डाल रहे हैं। ताजा मामले में मणिकर्ण के कटागला में हरियाणा का एक दंपती नदी किनारे फोटो शूट कर रहा था कि अचानक महिला का पांव फिसल गया और उफनती पार्वती नदी में जा गिरी। नदी में गिरने के बाद महिला लापता है। घटना बुधवार देर शाम की है। लापता पर्यटक की पहचान कविता(31) पत्नी अजय निवासी झज्जर हरियाणा के रूप में हुई है। एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन ने कहा कि पुलिस स्थानीय लोगों के साथ तलाश कर ही है।
**75 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा पूरा लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बीते कल विभाग द्वारा प्रदेशभर में निर्माणाधीन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से संबंधित अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों आदि भवनों एवं अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन निर्माणाधीन परियोजनाओं का 75 प्रतिशत या उससे अधिक कार्य सम्पन्न हो चुका है, उन्हें पूरा करने को प्राथमिकता प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार 75 प्रतिशत या उससे अधिक पूरे हो चुके निर्माणाधीन कार्यों के लिए उचित निधि सुनिश्चित कर उन्हें तय समय सीमा के भीतर पूर्ण कर जन कल्याण के लिए अतिशीघ्र समर्पित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए, उन परियोजनाओं का कार्य पूरा करने पर विशेष अधिमान दिया जाए जो विधानसभा क्षेत्र की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की तर्ज पर जिन ठेकेदारों के दो कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, उन्हें भविष्य में तब तक नए कार्य आवंटित नहीं किए जाने चाहिए, जब तक वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं लाते। उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार गुणवत्तापूर्ण कार्य करते हैं एवं समय सीमा का उल्लंघन नहीं करते, उन्हें काम के आधार पर नई निर्माण परियोजना का कार्य प्रदान करने के लिए प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की लागत वृद्धि को बढ़ने से रोकने के लिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि पर्याप्त बजट प्रावधान होने पर ही निर्माण कार्य आरम्भ किया जाए। इसके उपरांत विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि लोक निर्माण विभाग आगामी बरसात के मौसम के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 206 जेसीबी, 110 बुल्डोज़र, 28 रोबो मशीन, 17 बेली ब्रिज और 13,000 श्रमशक्ति को प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बहाली एवं राहत कार्य सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर और अधिक श्रमशक्ति एवं मशीनरी की तुरंत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पिछले वर्ष बरसात के दौरान उपजी स्थितियों कोे ध्यान में रखते हुए प्रतिकूल परिस्थितियों से निपटने के दृष्टिगत कार्य प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए हैं।
कुल्लू जिला मुख्यालय से करीब तीन किलोमीटर दूर वैष्णो माता मंदिर के समीप ब्यास नदी में एक ट्रक गिर गया। ट्रक मनाली से कुल्लू की तरफ आ रहा था। रात करीब 12:30 बजे जैसे ही चालक बाशिंग के समीप पहुंचा तो चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधा ब्यास नदी के बीच जा गिरा। हादसे के बाद चालक लापता है। इसके साथ ही ट्रक में और लोगों के होने का भी अंदेशा जताया जा रहा है। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। लापता चालक की तलाश की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश में कल से अगले छह दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट खास तौर पर 29 और 30 जून के लिए जारी किया गया है। ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर को छोड़कर नौ जिलों में आज और कल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, जब खतरा कम होता है तो येलो अलर्ट जारी किया जाता है। जब सावधानी की जरूरत होती है और खतरा ज्यादा होता है तो ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाता है और जब खतरा बहुत ज्यादा होता है तो रेड अलर्ट जारी किया जाता है। इस दौरान बारिश के साथ-साथ कुछ जगहों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस सीजन में मौसम विभाग ने पहली बार बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया है। इसे देखते हुए प्रदेशवासियों को सावधानी बरतनी होगी। स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को भी अधिक ऊंचाई वाले, लैंड स्लाइड संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास नहीं जाना चाहिए। प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्री-मानसून की बारिश बीते तीन दिन से हो रही है। इससे प्रदेशवासियों ने भीषम गर्मी से राहत की सांस जरूर ली है। मगर ऊना सहित दूसरे शहरों का तापमान अभी भी नॉर्मल से ज्यादा चल रहा है।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बैचवाइज आधार पर नियुक्त होने वाले जेबीटी और टीजीटी को स्कूल जाने से पहले पढ़ाई करवाने के तरीकों का 15 दिन तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। कई वर्षों से नौकरी का इंतजार कर रहे इन शिक्षकों को प्रशिक्षित करने के लिए प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने यह फैसला लिया है। जुलाई में 1,100 जेबीटी और 1,023 टीजीटी की बैचवाइज आधार पर स्कूलों में नियुक्तियां होनी हैं। लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के चलते आदर्श चुनाव आचार संहिता लगने से टीजीटी और जेबीटी की भर्तियां लटक गई हैं। चुनावों की घोषणा से पहले शिक्षा विभाग ने 1023 टीजीटी का बैचवाइज भर्ती के माध्यम से चयन कर लिया था। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के चलते इन शिक्षकों को नियुक्तियां नहीं दी जा सकी थीं। शिक्षा मंत्री ने नियुक्तियों से संबंधित सभी औपचारिकताओं को इस माह पूरा करने को कहा है। इसके अलावा करीब 1,100 पदों पर जेबीटी की बैचवाइज भर्ती भी पूरी कर ली गई है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने 13 मार्च 2024 को अक्तूबर-नवंबर 2023 के दौरान हुई बैचवाइज काउंसलिंग का परिणाम घोषित किया है। इसमें टीजीटी आर्ट्स में 496, नॉन मेडिकल में 333 और मेडिकल में 194 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। शिक्षा विभाग ने जेबीटी शिक्षकों के बैचवाइज 1,161 पद भरने के लिए हाईकोर्ट से मंजूरी मांगी थी। कोर्ट ने कुछ भर्तियों के परिणाम नहीं निकालने के आदेश देते हुए करीब 1,100 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने को हरी झंडी दे दी है। अब इन शिक्षकों को नियुक्तियां देने से पहले निदेशालय ने प्रशिक्षित करने का फैसला लिया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि बैचवाइज भर्ती होने वालों को स्कूलों में पढ़ाने के नए तरीकों से अवगत करवाना आवश्यक है। चयनित होने वाले कई शिक्षक बीते कुछ वर्षों में शिक्षण के अलावा अन्य काम भी कर रहे होंगे। ऐसे में इन्हें 15 दिन का प्रशिक्षण देने का फैसला लिया गया है।
जीएसटी छह फीसदी कम होने के बाद बागवानों को अब सेब कार्टन तीन रुपये तक सस्ता मिलेगा। सेब कार्टन पर पहले जीएसटी 18 फीसदी था। कुछ दिन पहले दिल्ली में हुई जीएसटी काउंसिल की बैठक में कार्टन पर जीएसटी छह फीसदी कम कर 18 से 12 फीसदी किया गया। इस बार प्रदेश में सेब की ढाई से तीन करोड़ पेटियों के उत्पादन का अनुमान लगाया गया है। उद्योगपतियों ने यूनिवर्सल कार्टन बनाना शुरू कर दिया है। इस बार सेब यूनिवर्सल कार्टन में ही बिकेगा। प्रदेश सरकार की ओर से इसको लेकर अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। यूनिवर्सल कार्टन के अलावा अन्य कार्टन में बागवान सेब नहीं बेच सकेंगे। जीएसटी कम होने से गत्ता उत्पादकों को भी इसका फायदा होगा। अगले माह से सेब सीजन शुरू होने वाला है। तीन रुपये बॉक्स सस्ता होने से सेब उत्पादकों को फायदा होगा। कई बागवानों के 2 से 3 हजार तक बॉक्स प्रतिवर्ष सेब के लगते हैं। ऐसे में उन्हें 6 से 9 हजार रुपये तक का फायदा मिलेगा। गत्ता उद्योग संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मुकेश जैन ने बताया कि इस बार उत्पादकों ने यूनिवर्सल कार्टन बनाना शुरू कर दिया है। इस कार्टन की क्वालिटी काफी बेहतर होगी। यह कार्टन विदेशों से आयात होने वाले सामान के कार्टन की तरह होगा। इसमें एक महीने तक कार्टन खराब नहीं होगा। गत्ता उद्योग संघ के प्रदेशाध्यक्ष आदित्य सूद ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से अधिसूचना जारी होती है तो गत्ता उत्पादक कार्टन के दाम कर देंगे। सेब का सीजन शुरू होने वाला है और गत्ता उत्पादकों ने कार्टन बनाना शुरू कर दिया है। इस बार यूनिवर्सल कार्टन ही बनाए जाएंगे। इस बार गर्मी अधिक होने से सेब की फसल कम बताई जा रही है लेकिन उसके बावजूद भी ढाई से तीन करोड़ कार्टन तैयार किए जा रहे हैं।
आईसीआईसीआई फाउंडेशन ने रेडक्रॉस सोसायटी को शव वाहन किया भेंट धर्मशाला: उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि रेडक्रास सोसाइटी मानवता की सेवा में अहम योगदान दे रही है इस पुनीत कार्य में सभी नागरिकों को रेडक्रास सोसाइटी में अपना रचनात्मक सहयोग सुनिश्चित करना चाहिए। बुधवार को धर्मशाला में आईसीआईसीआई बैंक तथा आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा उपायुक्त हेमराज बेरवा ने माध्यम से जिला रेडक्रॉस सोसायटी को शव वाहन भेंट किया गया। इस अवसर पर आईसीआईसीआई फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि यह वाहन जरूरतमन्द नागरिकों के लिए मददगार साबित होगा। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि रेडक्रास सोसाइटी के माध्यम से जिलाभर में कई प्रकल्प चलाए जा रहे हैं तथा गरीब तथा निर्धन लोगों को आर्थिक सहायता भी मुहैया करवाई जाती है इसके साथ ही समय समय पर रक्तदान शिविर तथा अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी रेडक्रास सोसाईटी के माध्यम से चलाए जा रहे हैं। उन्होेंने कहा कि टांडा मेडिकल कालेज में रोगियों के तामीरदारों के रहने के लिए रेडक्रास सोसाइटी के माध्यम से सरायें का संचालन भी किया जा रहा है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि कांगड़ा जिला में रेडक्रास सोसाइटी के समाज सेवा के प्रकल्पों का विस्तारीकरण भी सुनिश्चित किया जाएगा ताकि गरीब तथ निर्धन लोग लाभांवित हो सकें। इस अवसर पर आईसीआईसीआई बैंक तथा आईसीआईसीआई फाउंडेशन के अधिकारी तथा रेडक्रास सोसाइटी के सचिव ओपी शर्मा भी उपस्थित थे।
**अपनी सत्ता बचाने के लिए पूरे देश को जेल बना देना लोकतंत्र का काला अध्याय शिमला : नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला द्वारा आपातकाल पर निंदा प्रस्ताव की जमकर सराहना करते हुए उनका आभार जताया। कहा कि अपनी सरकार और ख़ुद को बचाने के लिए इंदिरा गांधी ने देश के डेढ़ लाख से ज़्यादा लोगों को जेल में डाल दिया। आंतरिक सुरक्षा के नाम पर ऐसी तानाशाही की गई कि लोगों से कोर्ट जाने के भी अधिकार छीन लिये गये। आपातकाल देश के लोकतंत्र और एक काला धब्बा है, जिसकी जिम्मेदारी कांग्रेस पर है। कांग्रेस के तानाशाही सोच का यह काला दाग कभी मिटेगा भी नहीं। दुःख की बात यह है कि आज भी कांग्रेस है तानाशाही के साथ काम कर रही है। प्रदेश में सरकार की कार्यप्रणाली से भी इसका आसानी से अंदाजा लगाया जा सकता है। यह निंदा प्रस्ताव यह बताता है कि देश में संविधान के ऊपर कुछ भी नहीं है ल। आज लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देने वाली कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को यह बताना चाहिए कि कांग्रेस संविधान और संवैधानिक मूल्यों का किस कदर गला घोंटा। आज ज्यादातर जो लोग इंडी एलायंस के साथ हैं उनकी पार्टियों के नेताओं को आपातकाल में जेलों में ठूंस कर किस प्रकार की यातनाएं दी गई हैं, उन नेताओं को भी देश के लोगों को बताना चाहिए। कांग्रेस के सहयोगी दलों को आपातकाल के बारे में देश को बताना चाहिए कि किस तरह से एक नेता देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के ऊपर होकर विपक्षी पार्टी के नेताओं को जेलों में भरकर प्रताड़ित कर रहा था। किस तरह राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को भी अपने परिजनों के अंतिम संस्कार में भी शामिल होने से रोका गया। देश के लोगों को यह जानना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां इसकी भयावहता से वाक़िफ़ हो सकें। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के लोगों द्वारा कांग्रेस को पूरी तरह नकार देने के कारण हताशा में हैं इसलिए वह अनर्गल बातें कर रहे हैं। यह सरकार पूरी तरह से नाकाम हो गई है। लोगों सिर्फ़ परेशान करने के अलावा कोई काम नहीं कर रही है। आज प्रदेश में हर व्यक्ति सरकार से निराश हैं। रोजगार से लेकर विकास के मामले में यह सरकार पिछली सरकार के कामों को एक कदम भी आगे नहीं बढ़ा पाई है। एक भी युवा को रोज़गार नहीं दे पाई है यह सरकार सिर्फ़ मित्रों के लिए समर्पित सरकार है। जिसका आम आदमी के हितों से कोई लेना देना नहीं है। इस बार के उपचुनाव में भी प्रदेश के लोग इस सरकार को सबक़ सिखाने के लिए तैयार बैठे हैं।
**आयोग के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के दिए निर्देश **देहरा उपचुनाव के व्यय पर्यवेक्षक ने व्यय निगरानी टीमों के साथ की बैठक देहरा विस उपचुनाव के व्यय पर्यवेक्षक अल्पेश कुमार त्रिकमलाल परमार आईआरएस ने निष्पक्ष तथा स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देश की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश व्यय निगरानी टीमों को दिए गए हैं। व्यय पर्यवेक्षक अल्पेश कुमार त्रिकमलाल परमार ने उपायुक्त कार्यालय सभागार में व्यय निगरानी टीमों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए व्यय निगरानी अत्यंत जरूरी है इस के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के आधार पर देहरा निर्वाचन क्षेत्र में व्यय निगरानी के लिए उड़नदस्ते तथा नाके भी लगाए जाएं ताकि निर्वाचन में किसी भी स्तर पर नगदी या अन्य तरह का प्रयोग चुनाव को प्रभावित करने के लिए नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि बैंक प्रबंधन को भी प्रतिदिन की लेन-देन, आनलाइन मनी ट्रांसफर की निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं इसके साथ ही निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात आबकारी विभाग के अधिकारियों को भी शराब की बिक्री पर पूर्णतय चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। जीएसटी विभाग को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं इसके साथ ही नारकोटिक्स के नोडल अधिकारियों को भी नियमित तौर पर रिपोर्ट के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि रिटर्निंग आफिसर तथा एकांउटिंग टीम को भी व्यय निगरानी के लिए उपयुक्त जगह पर नाके इत्यादि लगवाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों में पेड न्यूज इत्यादि की निगरानी के लिए मीडिया प्रमाणन समिति का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र तथा निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने मोबाइल ऐप सी विजिल लांच किया है इस ऐप के जरिए आम जन आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट कर सकेगा। उन्होंने कहा कि सी विजिल ऐप से प्राप्त शिकायतों का सौ मिनट में निवारण भी सुनिश्चित किया जाए। कहा कि सभी राजनीतिक रैलियों की विडियोग्राफी भी सुनिश्चित की जाए ताकि व्यय का सही आकलन किया जा सके। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल, एएसपी वीर बहादुर सहित विभिन्न व्यय निगरानी दलों के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
कुनिहार के दशहरा मैदान में 10 वर्षों बाद डे एंड नाइट फुटबॉल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 27 जुन से 30 जून तक अशोका-हरी मैमोरियल फुटबॉल कप के नाम से यूथ क्लब व राम लीला जनकल्याण समिति द्वारा संयुक्त रूप से करवाई जा रही है। प्रतियोगिता पहले ठाकुर हरिदास मेमोरियल खेल समिति कुनिहार द्वारा करवाई जाती थीं, लेकिन 2014 के बाद किन्हीं कारणों से यह प्रतियोगिता नहीं हो पाई। यूथ क्लब के अध्यक्ष परीक्षित शर्मा व राम लीला जनकल्याण समिति के अध्यक्ष रितेश जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों व फुटबाल प्रेमियों के मांग पर यूथ क्लब व समिति ने इस डे नाईट प्रतियोगिता को करवाने का निर्णय लिया। कुनिहार क्षेत्र के जाने माने फुटबॉल खिलाड़ी स्वर्गीय अशोक कुमार व स्वर्गीय हरी सिंह की याद में यह प्रतियोगिता करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के अधिकतर मैच दूधिया रोशनी में करवाए जाएंगे। लेकिन मौसम के हिसाब से कुछ मैच दिन मे भी करवाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में स्थानीय टीमों सहित सोलन, शिमला, नाहन, चंडीगढ़, पांवटा साहिब आदी क्षेत्रों की लगभग 15 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में विजेता टिम को 31000 व ट्रॉफी तथा उप विजेता टिम को 21000 व ट्रॉफी से नवाजा जाएगा, तो वहीं बेस्ट प्लेयर, बेस्ट गोल कीपर के सम्मान से भी समिति द्वारा खिलाड़ियों को समानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाली टीमों के खाने व ठहरने की व्यवस्था क्लब व समिति द्वारा की जाएगी।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप-चुनाव के लिए आज नामांकन वापिस लेने की अंतिम तिथि को एक नामांकन पत्र वापिस लिया गया। उन्होंने बताया कि नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप-चुनाव के लिए आज़ाद उम्मीदवार गुरनाम सिंह पुत्र जागर सिंह, गांव चुहुंवाल, डाकघर एवं तहसील नालागढ़, ज़िला सोलन ने अपना नामांकन पत्र वापिस लिया है। दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि अब 05 उम्मीदवार नालागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के उप-चुनाव के लिए पात्र हैं। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई, 2024 को वोट डाले जाएंगे, जबकि 13 जुलाई, 2024 को मतगणना होगी।
नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव के दृष्टिगत ज़िला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के एन.आई.सी. सभागार में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ई.वी.एम) व वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वी.वी.पैट.) मशीनें मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में नालागढ़ के लिए प्रदाय की गई। यह कार्य अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव की उपस्थिति में सम्पन्न करवाया गया। मनमोहन शर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए उपलब्ध बैलेट यूनिट (बीयू)-169, कन्ट्रोल यूनिट (सीयू)-169 तथा वी.वी.पैट.-181 मशीनों को प्रदाय किया गया। मशीनों को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला गया और ई.एम.एस. सॉफ्टवेयर के माध्यम से नालागढ़ उप-चुनाव के लिए उक्त ई.वी.एम. तथा वी.वी.पैट. मशीनों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ द्वारा प्रतिनियुक्त नोडल अधिकारियों को प्रदाय किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान, नायब तहसीलदार दीवान सिंह ठाकुर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के शिवदत्त ठाकुर व संधीरा सीनू सिंह, भारतीय जनता पार्टी के चन्द्रकांत शर्मा, बहुजन समाजवादी पार्टी के राकेश बराड़ तथा आम आदमी पार्टी के भरत ठाकुर उपस्थित थे।
जेपी आंदोलन के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार देर सांय इंडिया इंटरनेशनल सेंटर नई दिल्ली में सम्पूर्ण क्रांति आन्दोलन महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारम्भ करते हुए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने जयप्रकाश नारायण को भारत के नव निर्माण का महान नायक बताया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों के फलस्वरूप आज देश में लोकतन्त्र को नई दिशा मिली है। देश के नव निर्माण आन्दोलन में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा। देश की स्वतन्त्रता संघर्ष और देश के निर्माण में उनका योगदान स्वर्णिम अक्षरों में अंकित है। राज्यपाल ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण यथार्थवादी थे और उन्होंने सपनों को हकीकत में बदला। हम सभी को उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने कहा कि लोक नायक जय प्रकाश अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विकास केन्द्र द्वारा लोक नायक जयप्रकाश नारायण की स्मृति में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम प्रशंसनीय हैं और इनके माध्यम से उनकी स्मृतियों को संजोकर रखा जा रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल ने सम्पूर्ण क्रांति आन्दोलन में महत्त्वपूर्ण योगदान के लिए 12 लोगों को जेपी सेनानी सम्मान से सम्मानित किया। इस अवसर पर केन्द्रीय तिब्बत प्रशासन के पूर्व प्रधानमंत्री प्रो. प्रो.समधोंग रिनपोछे, पूर्व केन्द्रीय मंत्री बीके त्रिपाठी, शोधार्थी, विचारक और समाज सेवी उपस्थित रहे।
उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने आज यहां अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को नशा निवारण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा निवारण दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी उपस्थित अधिकारी व कर्मचारियों को ‘आज हम एकजुट होकर नशामुक्त भारत अभियान के तहत एक प्रतिज्ञा लेते हैं कि न केवल हमारे समुदाय, परिवार दोस्त बल्कि खुद को नशामुक्त बनाएंगे क्योंकि परिवर्तन भीतर से शुरू होता है, इसलिए आओ मिलकर अपने राज्य हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने का संकल्प लें। मैं प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं अपने देश को नशामुक्त बनाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा’ की शपथ दिलाई। अतिरिक्त उपायुक्त अजय कुमार यादव, सहायक आयुक्त विवेक शर्मा, ज़िला राजस्व अधिकारी नीरजा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस अवसर पर सोलन ज़िला के विभिन्न विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में नशा निवारण पर शपथ ली। इसके अतिरिक्त ज़िला में स्थित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में भी इस उपलक्ष्य में रैली सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से सोलन शहर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत स्कूली छात्रों की रैली निकालकर नशा निवारण संदेश दिया गया।
**असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत मजदूरों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के तहत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित जिला श्रम कार्यालय किन्नौर द्वारा उपायुक्त कार्यालय के सभागार में असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत मजदूरों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से संबंधित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने की। उपायुक्त ने बताया कि भारत सरकार के श्रम मंत्रालय द्वारा असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत ई-श्रम मजदूरों को दुर्घटना के कारण, मृत्यु या विकलांगता होने पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 2 लाख रुपये और 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाती है जिसके तहत जनजातीय जिला किन्नौर के पंजीकृत श्रम मजदूरों को इस योजना का लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से इस बैठक का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सभी असंगठित क्षेत्र के मजदूर जिन्होंने अपना पंजीकरण ई-श्रम पोर्टल पर 26 अगस्त, 2021 से 31 मार्च, 2022 तक करवाया है और दुर्घटना के कारण उनकी मृत्यु या पूर्ण विकलांगता हो गई है, उन्हें 2 लाख रुपये तथा आंशिक विकलांगता पर 1 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए पंजीकृत ई-श्रम मजदूर या उनके परिवार को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वर्तमान में किन्नौर जिले में कुल 23,617 असंगठित ई-श्रम मजदूर पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए श्रम मंत्रालय द्वारा सभी प्रकार के दावों को जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2024 निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि सभी पात्र मजदूरों को इसका लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त, असंगठित क्षेत्र के मजदूर स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। इस अवसर पर जिला श्रम अधिकारी इंद्र लाल नेगी ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया तथा उपस्थित जनों को श्रम विभाग के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से अवगत करवाया। बैठक में पुलिस अधीक्षक सृष्टि पांडे, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
** अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिला के लोगों को किया जागरूक ** नशे के दुष्प्रभावों व रोकथाम के लिए जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना समूचे देश व प्रदेश सहित जनजातीय जिला किन्नौर में आज अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जिला के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों व इसकी रोकथाम बारे जागरूक किया गया। इसके अलावा नशे की अवैध तस्करी की रोकथाम बारे भी लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस का विषय ‘साक्ष्य स्पष्ट हैः रोकथाम में निवेश करें’ रखा गया है, जिसके तहत नशे की अवैध तस्करी की रोकथाम करना व नशीली दवाओं के दुरूपयोग से आम लोगों को जागरूक कर एक स्वस्थ व सशक्त समाज का निर्माण करना है। उपायुक्त ने कहा कि नशे की बुराई पर शिकंजा कसने के लिए समाज में इसके विरूद्ध संवेदनशीलता, सतर्कता और जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना व नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। युवा हमारी भावी पीढ़ी है तथा एक स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका होती है। इसलिए, हमारा यह दायित्व बनता है कि हम युवाओं को नशे से दूर रखने में अपनी भूमिका अदा करें व अपने परिवार की युवा-पीढ़ी को नशे से दूर रखें। नशा निवारण दिवस के अवसर पर उपायुक्त कार्यालय से पंजाब नैशनल बैंक तक एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसे उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पिओ व आई.टी.आई रिकांग पिओ के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर नशीली दवाओं के दुरूपयोग और अवैध तस्करी की रोकथाम विषय पर वेबिनार का भी आयोजन किया गया, जिसमें गूगल मीट के माध्यम से जिला के अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया।
धर्मशाला: सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल सिद्धपुर ने सूचित किया है कि विद्युत उपकेंद्र सिद्धपुर में विद्युत उपकरणों के उचित रखरखाव के लिए 28 जून 2024 को सुबह 9:00 बजे से शाम कार्य समाप्ति तक सिद्धबाडी, सिद्धपुर, फतेहपुर, बागणी, रक्कड़, तपोवन, झिओल, बरवाला, लोअर मोहली, गयतो मोनिस्ट्री, घिआरी पुल, रसां, बरेह, धिकतु, ठम्बा, दाढी, शीला पासू, आईटीआई झाकड़ी, उप्पर बडोल, लोअर बडोल, कंडी, चोला, खनिआरा, सुक्कड, योल, योल बाजार, नरवाना, उठराग्राम, कस्बा, चटेहर, स्लेट गोदाम, खुई बराग, कनेड, लोअर सुक्कड, मनेड, धौलाधार कालोनी आदि क्षेत्रों में कार्य पूर्ण होने तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
रामपुर: शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक बोलेरो कैंपर गहरी खाई में गिर गई। इस सड़क दुर्घटना में गाड़ी सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौ*त हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका खनेरी अस्पताल में इलाज चल रहा है। रामपुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे के प्रत्यक्षदर्शी बगड़ू राम ने बताया कि राम लाल (उम्र 48 साल), राम लाला की पत्नी राधा देवी (उम्र 42 साल) और अजुन टोल्टा (उम्र 34 साल) सभी मोलागी गांव के निवासी हैं। जो की सभी शिमला से गाड़ी में सवार होकर अपने गांव मोलागी जा रहे थे। उनकी बोलेरो कैंपर (नंबर HP 25A 1850) रेत से भरी हुई थी, जिसे अर्जुन टोल्टा चला रहा था. जब उनकी गाड़ी गानवी के पास पहुंची तो खड़ी चढ़ाई होने के कारण चढ़ नहीं पा रही थी। इस बीच गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और तेजी से पीछे की ओर होते हुए सड़क से करीब 70 मीटर नीचे गानवी खड्ड में जा गिरी। इस दुर्घटना में राम लाला की मौके पर ही मौ*त हो गई। जबकि राधा देवी और अर्जुन टोल्टा घायल हो गए। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक और घायलों को खड्ड से बाहर निकाला। श*व को पोस्टमार्टम के लिए और घायलों को इलाज के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां घायलों का इलाज जारी है। प्रत्यदर्शियों के मुताबिक हादसा ड्राइवर के तेज गति और लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण हुआ है। हादसे की पुष्टि डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि गानवी खड्ड में गाड़ी गिरने से एक की मौ*त हो गई है, जबकि दो लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
चम्बा जिले के भटियात क्षेत्र के चुवाड़ी में युवक की ह*त्या मामले में नामजद पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि मंगलवार को 4 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 28 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में संलिप्त नाबालिग आरोपी को पीएमजेजेबी में पेश किया जाएगा। वहीं पुलिस ने मृत*क युवक के श*व काे मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चम्बा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। बता दें कि निखिल ठाकुर (24) पुत्र चरण सिंह निवासी गांव मैहला, डाकघर डनी, तहसील नूरपुर व जिला कांगड़ा रविवार को चुवाड़ी छिंज मेले में गया था। रात को मेले से वह अपनी कार में घर वापस लौट रहा था। इस दौरान लाहड़ू-चुवाड़ी संपर्क मार्ग तरुण वर्षाशालिका के पास ओवरटेकिंग को लेकर उसकी स्थानीय युवकों के साथ कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि स्थानीय युवकों ने उसे सीने में चाकू घोंप दिया, जिसके चलते उसकी मौ*त हो गई।
हिमाचल में नर्सिंग कोर्स के लिए सरकार ने मेडिकल कॉलेज और मान्यता प्राप्त निजी संस्थानों के लिए सीटों का आवंटन कर दिया है। वर्ष 2024-25 के लिए हिमाचल मेडिकल कॉलेजों में 160 और निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए 80 सीटों का आवंटन किया गया है। जनरल नर्सिंग और मिड वाइफ के लिए यह तीन साल का कोर्स होगा। हिमाचल प्रदेश में आईजीएमसी, टांडा, नेरचौक, चंबा, हमीरपुर और नाहन छह मेडिकल काॅलेज हैं। इनमें यह कोर्स कराए जाते हैं, निजी संस्थानों को भी सरकार ने कोर्स कराने की मान्यता दी है। हिमाचल प्रदेश में 50 से ज्यादा सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थान है। सरकार की ओर से नर्सिंग स्कूल और कॉलेज खोलने के नियम बनाए गए हैं। इसमें नर्सिंग संस्थानों में आधारभूत ढांचा, अध्यापन स्टाफ, उपकरण और अन्य व्यवस्थाओं को अनिवार्य किया गया है। सरकार की ओर से जिन संस्थानों को कोर्स कराने की मान्यता दी गई है। शिक्षा स्वास्थ्य निदेशालय की ओर से इनका आधारभूत ढांचा और अन्य सुविधाओं को जांचा जाएगा। नियमों के अनुसार नर्सिंग संस्थान खोलने की अनुमति से पहले भवन सहित आधारभूत ढांचा होना अनिवार्य किया है। इसी के हिसाब से सीटें निर्धारित की जाएंगी। अभ्यर्थियों को प्रैक्टिकल करने के लिए प्रयोगशाला सहित कैंपस का होना जरूरी है। उल्लेखनीय है कि हिमाचल में कई नर्सिंग संस्थानों की कार्यप्रणाली पर अंगुलियां उठती रही हैं। स्वास्थ्य शिक्षा निदेशालय की ओर से समय-समय पर निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आती रही हैं। बाकायदा इसको लेकर निदेशालय से नोटिस तक जारी भी हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि हिमाचल में ऐसी नर्सें तैयार हों, जो हिमाचल के स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा विदेशों में भी बेहतर काम कर सकें।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में अगले 3-4 दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है। प्रदेश में मानसून की दस्तक झमाझम बारिश के साथ होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में 28 जून से 2 जुलाई तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान अंधड़ चलने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं 28 से 30 जून तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। वहीं आज राजधानी शिमला में बादल छाए रहने के साथ हल्की धूप खिली है। प्रदेश में मानसून के चलते लोक निर्माण विभाग तैयारियों में जुट गया है। बीते साल प्राकृतिक आपदा से सबक लेते हुए विभाग में इंतजामों को लेकर अधिकारियों की बैठकें हो रही हैं। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को डोजर, जेसीबी और रोबोट सहित अपनी तैयारियां पूरी रखने को कहा है। विभाग को अलर्ट किया गया है। भूस्खलन और आपदा संबंधित शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा है ताकि सड़कें अवरुद्ध होने की समय रहते जानकारी मिलती रहे। उन्होंने कहा कि हिमाचल में इन दिनों सड़कों की टारिंग और मेटलिंग का काम चल रहा है। बीते साल प्राकृतिक आपदा के चलते सड़कें खराब हो गई थी। जगह-जगह डंगे गिर गए। उन्हें ठीक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश में सड़कें खराब न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर इन चीफ नरेंद्र पॉल सिंह ने बताया कि बरसात के चलते जोन के चीफ इंजीनियर, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता को इंतजाम करने को कहा गया है। फील्ड में तैनात इंजीनियरों से लगातार ऑनलाइन बैठकें की जा रही हैं। समय-समय पर दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून से निपटने के लिए विभाग ने इंतजाम कर लिए हैं।
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में एक अगस्त से यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) की कोचिंग कक्षाओं का इस सत्र से बैच बैठाया जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षण केंद्र ने 11 जुलाई तक इच्छुक युवाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। बैच को बैठाने के लिए 17 जुलाई को प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। मेरिट के आधार पर ही प्रवेश मिलेगा। सीट आवंटन के लिए आरक्षण रोस्टर लागू होगा। यूपीएससी के इस बैच की एक अगस्त से 31 मार्च तक कुल 800 घंटे की कोचिंग कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसमें आरक्षित वर्ग के चयनित अभ्यर्थियों को चार हजार और सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को आठ हजार फीस दो किस्तों में केंद्र को देनी होगी। विवि ने बैच को बैठाने की तैयारियां पूरी कर दी हैं और इसके लिए पूरा शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। विवि का यह पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र इस बार नए सिरे से यूपीएससी की कोचिंग देने में दक्ष और अनुभवी संस्थाओं के साथ करार करेगा और उन्हें काम सौंपा जाएगा। इसके लिए केंद्र ने 17 जुलाई तक इच्छुक संस्थाओं से निविदाएं आमंत्रित की हैं। बुधवार से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। संस्थान के निदेशक प्रो. जोगिंद्र धीमान ने कहा कि एक साल के अंतराल के बाद फिर से यूपीएससी की कोचिंग कक्षाएं शुरू की जा रही हैं। बीते वर्ष कोचिंग देने वाली संस्था के साथ करार की समय सीमा समाप्त होने के कारण बैच नहीं बैठाया जा सका था। प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करने को 26 जून से पोर्टल खुल जाएगा, जिसके माध्यम से छात्र 11 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। 17 जुलाई को इसकी प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। एक अगस्त से यूपीएससी की कोचिंग शुरू हो जाएगी।
**हिमाचल में दो जगह फ़्लैश फ्लड हिमाचल प्रदेश में अभी मानसून ने दस्तक दी भी नहीं और भारी बारिश से तबाही की तस्वीरें सामने आने लगी है। सोलन जिला के कुनिहार में दोपहर बाद करीब तीन बजे बादल फटने की घटना पेश आई है । महज़ थोड़ी देर हुई भयंकर बारिश के चलते गंभरपुल पर भारी मलबा आ गया। इससे कुनिहार को नालागढ़ से जोड़ने वाला हाइवे तक बंद हो गया। ये मलबा गंभरपुल में तीन दुकानों में घुस गया जिससे एक ढाबा जमींदोज हो गया। फ्लैश फ्लड में दो गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि एक व्यक्ति सहित उसका छोटा बेटा मलबे में चपेट में आ गए थे । यही नहीं आज सुबह चार बजे के करीब लाहौल स्पीति जिला के उदयपुर सब डिवीजन में बीती रात को तेज बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आया । इससे उदयपुर-तांदी स्टेट हाइवे मधग्राम नाला के पास रात से बंद हो गया था जिसे सात घंटे बाद बहाल किया जा सका। बता दें की हिमाचल में प्री मानसून की शुरुआत हो गई है। 27 जून से मानसून भी दस्तक दे सकता है। प्री-मानसून की पहली बारिश ने ही कहर बरपाना शुरू कर दिया है। उम्मीद है इस बार प्रशासन हर परिस्थिति के लिए पहले से तैयार रहेगा।
**अपने पिता से फिरौती के रूप में मांगे 1 लाख बिज़नेस से परेशान होकर एक व्यक्ति ने खुद को ही किडनैप करने की झूठी साजिश रची और अपने ही पिता से फिरौती के रूप में 1 लाख रुपए की मांग की। ये मामला है सोलन शहर का। पिछले कल सोलन के कथेड़ निवासी अभय गोयल ने पुलिस थाना सदर सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 23 जून को साढ़े 6 बजे उनका भाई अमन मेले में जाने के लिए निकला था। कुछ देर बाद उसके दोस्त को व्हत्सप्प में मैसेज आया कि वह अमन के पिता को बता दे कि अमन हमारे पास है। एक घंटे बाद मैसेज आएगा तो 1 लाख रुपए ट्रांसफर कर देना। खबरदार अगर पुलिस की मदद ली। इस दौरान उसका एक फोटो भी भेजा है जिसमें अमन बेहोश दिखाया गया। अभय ने बताया कि अमन बेकरी चलाता है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाही करते हुए सीसीटव फुटेज खंगाली और अमन के मोबाइल नंबर और कनेक्शन की तकनीकी जांच की। मामले की जांच के लिए पुलिस ने एक टीम बनाई । पुलिस टीम ने अमन गोयल को हरियाणा क्षेत्र के शाहपुर स्थित एक गुरुद्वारा के पास सड़क से अकेले ही बरामद किया। पूछताझ के दौरान अमन गोयल ने बतलाया कि वह बिजनेस से परेशान था व अपने परिवार से भी मनमुटाव था । जिस कारण यह परेशान होकर घर से चला गया था । इसे पैसों की भी सख्त जरूरत थी जिस पर इसने अपने परिवार से पैसे लेने के लिये अपने अपहरण की झूठी साजिश रची। व अकेले ही बस द्वारा कालका पहुंचा तथा इसने कालका बस स्टैण्ड में बने वाशरूम में सैल्फी के माध्यम से फोटो ली और उक्त फोटो को अपने नम्बर से अपने भाई अभय गोयल को भेजा उसके बाद वह बस में बैठकर शाहपुर पहुंचा। मामले की जांच जारी है। मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है।
राज्य सरकार के प्रवक्ता ने आज बताया कि प्रदेश के तीन विधानसभा क्षेत्रों देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में उपचुनाव के लिए मतदान के मद्देनजर इन क्षेत्रों के पंजीकृत मतदाताओं के लिए सरकार के सभी विभागों, बोर्डों, निगमों, शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए 10 जुलाई, 2024 को राजपत्रित अवकाश घोषित किया गया है। इस दिन इन क्षेत्रों के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी सवैतनिक अवकाश मिलेगा। उन्होंने बताया कि पंजाब के जालंधर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के चलते ऊना, कांगड़ा, चंबा और सोलन जिलों में सेवाएं दे रहे पंजाब के पंजीकृत मतदाताओं और उत्तराखंड के बद्रीनाथ और मंगलौर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के चलते सिरमौर और शिमला में सेवाएं दे रहे उत्तराखंड के पंजीकृत मतदाताओं के लिए भी 10 जुलाई को विशेष सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। इन राज्यों में पंजीकृत मतदाता जो सरकारी, अर्ध-सरकारी और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत हैं, उनके लिए भी विशेष सवैतनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके अलावा इन विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता जो अन्य स्थानों में काम कर कर रहे हैं, उनके लिए भी विशेष आकस्मिक अवकाश का प्रावधान है।
निर्वाचन विभाग के एक प्रवक्ता ने आज बताया कि स्क्रूटनी के उपरान्त अब तीन विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उप-चुनावों में अब कुल 15 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 25 व 26 जून, 2024 को तीन बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं। प्रवक्ता ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि देहरा में अब कुल पांच, हमीरपुर में चार व नालागढ़ में छः प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र में कमलेश (53) इण्डियन नेशनल कांग्रेस, होशियार सिंह (57), भारतीय जनता पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी सुलेखा देवी (59), अरूण अंकेश स्याल (34) तथा एडवोकेट संजय शर्मा (56) चुनावी मैदान में हैैं। विधानसभा क्षेत्र देहरा से दो कवरिंग प्रत्याशियों कांग्रेस के हरि ओम (66) तथा भाजपा के वीर सिंह (60) के नामांकन पत्र रद्द हुए। अब यहां से पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र से आशीष शर्मा (37) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), डॉ. पुष्पिंदर वर्मा (48) इण्डियन नेशनल कांग्रेस तथा निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप कुमार (58) व नन्द लाल शर्मा (64) चुनावी मैदान में हैैं। विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर से कोई भी नामांकन रद्द नहीं हुआ। यहां से चार प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से हरदीप सिंह बावा (44) इण्डियन नेशनल कांग्रेस, के.एल. ठाकुर (64) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), किशोरी लाल शर्मा (46) स्वाभिमान पार्टी तथा गुरनाम सिंह (48), हरप्रीत सिंह (36) व विजय सिंह (36) निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं । नालागढ़ क्षेत्र से एक निर्दलीय प्रत्याशी उदय कुमार सिंह (46) तथा कांग्रेस के कवरिंग प्रत्याशी परमिंदर कौर बावा (43) का नामांकन रद्द हुआ। यहां से अब छः प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी नामांकन सही पाए गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा ने बताया कि देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए सात प्रत्याशियों ने नामांकन भरा था। उन्होंने बताया कि मतपत्रों की जांच के लिए 24 जून (सोमवार) की तिथि निर्धारित की गई थी। उन्होंने बताया कि दर्ज नामांकन पत्रों की जांच आज सोमवार को सामान्य पर्यवेक्षक इजराइल वात्रे इंटी (आईएएस) की उपस्थिति में सम्पन्न कर दी गई है। एसडीएम ने बताया कि जांच के दौरान उपचुनाव के लिए दाखिल सभी नामांकन वैध पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आज छंटनी के दौरान दो मुख्य दलों के प्रमुख प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए जाने पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कवरिंग कैंडिडेट हरि ओम तथा भारतीय जनता पार्टी के कवरिंग कैंडिडेट वीर सिंह के नामांकन कवरिंग उम्मीदवार होने के नाते स्वतः ही रद्द हो गए। देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए दर्ज नामांकन की छंटनी के बाद प्रत्याशियों की संख्या पांच हो गई है। एसडीएम ने बताया कि कांग्रेस से कमलेश ठाकुर, भाजपा से होशयार सिंह सहित तीन निर्दलीय उम्मीदवार संजय शर्मा, सुलेखा देवी और अरूण अंकेश स्याल अब चुनावी मैदान में हैं। वहीं नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है।
विधानसभा उपचुनाव को लेकर देहरा के लिए चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक इज़राइल वात्रे इंटी (आईएएस) ने आज सोमवार को चुनावी उम्मीदवारों एवं राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एसडीएम देहरा के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में सामान्य पर्यवेक्षक ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से चुनावों के दौरान ध्यान रखने वाली बातों के बारे में विस्तार से बताया। बैठक में निर्वाचन अधिकारी व एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा सहित चुनावी ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारी व देहरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार व उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सामान्य पर्यवेक्षक द्वारा उन्हें संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ ही उनके प्रश्नों-जिज्ञासाओं के जवाब देकर शंका समाधान भी किया गया। इस अवसर पर सामान्य पर्यवेक्षक इज़राइल वात्रे इंटी (आईएएस) ने स्वतंत्र, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने को कहा। उन्होंने पोलिंग व मतगणना एजेंट तैनात करने संबंधी नियमों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उम्मीदवारों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम तथा वीवीपैट मशीनों के रैंडमाइजेशन के संबंध में अवगत कराया । भारत निर्वाचन आयोग द्वारा देहरा विधानसभा उपचुनाव के लिए सामान्य पर्यवेक्षक इज़राइल वात्रे इंटी (आईएएस) का देहरा के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में कैंप कार्यालय स्थापित किया गया है। चुनाव संबंधी किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह देहरा में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह दस बजे से ग्यारह बजे तक जनसाधारण की समस्याएं सुनेंगे। सामान्य निर्वाचन पर्यवेक्षक का मोबाइल नंबर 98057-10223 है।
**मुख्य संसदीय सचिव ने किया सम्मानित सोलन: तीन दिवसीय मां शूलिनी मेला के दौरान पुलिस विभाग व शूलिनी मेला समिति के संयुक्त तत्वावधान में कुश्ती प्रतियोगिता एवं दंगल का आयोजन किया गया। मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि मां शूलिनी का यह मेला ऐतिहासिक ठोडो मैदान में वर्षों से मनाया जा रहा है और ठोडा व दंगल जैसे प्राचीन खेल इसे अनूठा बनाते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों के दौरान खेल गतिविधियों का आयोजन लोगों के मनोरंजन के साथ ही खिलाड़ियों के शारीरिक सौष्ठव व मानसिक दृढ़ता का भी परिचायक होता है। इससे युवा खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच प्राप्त होता है। उन्होंने विजेता पहलवानों को बधाई दी तथा इसमें भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों से हार-जीत की परवाह किए गए बगैर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए और कड़ी मेहनत का आह्वान भी किया। लड़कियों की कुश्ती प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबला चंडीगढ़ की गौरी व मैदा के बीच खेला गया। इसमें गौरी विजयी रहीं। दंगल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पंजाब पुलिस के गगन और पंजाब के रहने वाले ताज गोनी के बीच खेला गया। इसमें गगन ने खिताब जीत लिया। विजेता को 40 हजार रूपए तथा उप-विजेता को 35 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर विनोद सुल्तानपुरी, कांग्रेस महासचिव सुरेंद्र सेठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
**विक्रम ठाकुर बोले, सरकार की कठपुतली बन गये हैं विधान सभा अध्यक्ष **विधानसभा अध्यक्ष के पद की गरिमा के विपरीत काम कर रहे विधानसभा अध्यक्ष **विधानसभा से बीजेपी के विधायकों को निष्कासित कर बचाई है सरकार तीन निर्दलीय विधायकों के इस्तीफ़े को स्वीकार करने के मामले में भाजपा नेता, पूर्व मंत्री व विधायक विक्रम सिंह ठाकुर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि माननीय विधानसभा अध्यक्ष को जब यही करना था तो पहले क्यों नहीं किया। जान बूझकर पूरे मामले को लटकाया गया, जिससे तीनों निर्दलीय विधायक गत दिनों हुए आम लोकसभा और विधान सभा उप-चुनावों में भाग न ले पाए, जिससे बहुत समय और संसाधन की बचत हो सकती थी। इस तरह से जानबूझकर किसी फ़ैसले को लटकाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। विक्रम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष संवैधानिक पद पर बैठे हैं, लेकिन वह अपनी गरिमा के विपरीत काम कर रहे हैं। विधान सभा अध्यक्ष सरकार की कठपुतली बन कर काम कर रहे हैं। इस तरह से पद की गरिमा के विपरीत वह क्यों काम कर रहे हैं, उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। विक्रम ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के पिछले दिन दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा छह विधायकों का सर कलम कर देने और तीन विधायकों के सर आरी के नीचे हैं, होने जैसे बात करना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। एक संवैधानिक एवं गरिमापूर्ण पद पर बैठे किसी भी माननीय द्वारा इस तरह की बात करना समझ से परे है। हिमाचल की यह संस्कृति नहीं रही है। इस तरह के बयानों की हिमाचल जैसी देवभूमि में कोई जगह नहीं है। विक्रम ठाकुर ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में वह कांग्रेस सरकार को लाभ पहुंचाने का प्रयास कर कर रहे हैं। हिमाचल के इतिहास में उनके द्वारा गरिमा एक विपरीत किया गया आचरण याद किया जाएगा। भाजपा नेता ने कहा कि यह सब कार्य सरकार को ग़लत तरीक़े से बचाने के प्रयास हैं। सरकार को बार-बार बचाने के लिए लोकतांत्रिक मूल्यों की उपेक्षा की जा रही है। बजट पास करवाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी के 15 सदस्यों को निष्कासित करके सरकार बचाई। यह सरकार संख्याबल और लोगों की नज़रों में गिर चुकी है, नैतिकता के आधार पर इस सरकार को बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
सोलन: मां शूलिनी मेला की तीसरी व अंतिम सांस्कृतिक संध्या में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने उन्हें मेला आयोजन समिति व शहरवासियों की ओर से सम्मानित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी व विनोद सुल्तानपुरी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल की समृद्ध लोक-संस्कृति व देव परम्परा देश-विदेश में विख्यात है। यहां के अधिकतर मेले व त्यौहार देवी-देवताओं से जुड़े हैं और मां शूलिनी का यह तीन दिवसीय मेला माता के प्रति शहर व प्रदेशवासियों की अगाध श्रद्धा व आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी लोक मान्यताओं, परम्पराओं और लोक संस्कृति को न केवल जीवंत बनाए रखने में मददगार होते हैं, अपितु इनके संरक्षण एवं संवर्द्धन में भी अपनी उल्लेखनीय भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संध्याओं के माध्यम से हिमाचल की विशिष्ट लोक संस्कृति व लोक कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है, वहीं बाहरी राज्यों से आने वाले कलाकार हमारी सांस्कृतिक विविधता को नए आयाम प्रदान करते हुए संस्कृति के आदान-प्रदान में सहायक बनते हैं। उन्होंने कहा कि शूलिनी मेला के अवसर पर आयोजित ठोडा नृत्य धनुर्विद्या की हमारी पुरातन विरासत को संजोए हुए है, वहीं कुश्तियां एवं दंगल के आयोजन प्राचीन खेलों को आगे ले जाने में अपनी भूमिका बखूबी निभा रहे हैं। उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन व मेला समिति को बधाई दी और इसमें शहरवासियों सहित सभी के सहयोग की भी सराहना की। इस अवसर पर जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के पार्षदगण, प्रदेश कांग्रेस महासिचव सुरेंद्र सेठी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष अंकुश सूद, नगर निगम की आयुक्त एकता काप्टा, उपमंडलाधिकारी डॉ. पूनम बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में मॉनसून की एंट्री से पहले ही मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला है। लाहौल घाटी के उदयपुर में फ्लैश फ्लड आया है। हालांकि, किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन उदयपुर को तांदी से जोड़ने वाला मार्ग बंद हो गया है। फिलहाल, बीआरओ की मशीनरी मौके के लिए रवाना हुई है। वहीं, मार्ग बंद होने से बड़ी संख्या में गाड़ियां और एचआरटीसी की बस फंस गई है। लाहौल स्पीति के आपदा प्रबंधन केंद्र ने मामले की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, लाहौल घाटी के उदयपुर के पास मडग्रां नाले में यह फ्लैश फ्लड आया है। इस कारण सड़क के ऊपर से मलबा और पानी गुजरने से मार्ग बाधित हो गया है। सड़क मार्ग बंद होने से फंसे हुए एक युवक ने बताया कि वह सुबह 8 बजे से फंसे हुए हैं। फिलहाल, सड़क बहाल होने का इंतजार किया जा रहा है।
हिमाचल में एक और सरकारी शिक्षक पर छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगे है। बीते दिनों जोगिन्दरनगर से मामला सामने आया था जहां शिक्षक पर छात्राओं ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि अध्यापक पढ़ाई के समय छात्राओं से अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करता था। छात्राओं को घर में न बताने की धमकी देता था। आरोप है कि वह कहता था कि अगर उन्होंने घर में बताया तो आपको पेपरों में पास नहीं होने दूंगा। जमा एक की छात्राओं ने पहले स्कूल अध्यापिकाओं से मौखिक शिकायत की। इसके बाद भी अध्यापक हरकतों से बाज नहीं आया। कोई बात न बनता देख छात्राओं ने आखिरकार घर में इसके बारे में बताया। एक छात्र के शिकायतकर्ता पिता ने इसकी शिकायत 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन में की तथा इस पर कार्रवाई की मांग रखी। चाइल्ड हेल्पलाइन की तरफ से पुलिस को शिकायत भेजी गई। पुलिस ने स्कूल में पहुंचकर टीचर को थाना में बुलाया। पुलिस ने अध्यापक से थाना में पूछताछ की है। डीएसपी जवाली वीरी सिंह ने कहा कि पुलिस ने टीचर को थाना में बुलाकर पूछताछ की है और जांच जारी है।
**मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया का किया स्वागत 16वां वित्त आयोग 23 जून को प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर शिमला पहुंचा। शिमला पहुंचने पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया का स्वागत किया। आयोग की आज (24 जून ) प्रदेश सरकार के साथ राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में महत्वपूर्ण बैठक होगी। आयोग आगामी पांच वर्षों के लिए आर्थिक मदद पर एक रिपोर्ट तैयार करेगा। 01 अप्रैल, 2026 से वित्त आयोग की सिफारिशें लागू होनी हैं। वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत ही राज्यों के लिए राजस्व का वितरण होता है। प्रदेश में अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया सहित वित्त आयोग की 13 सदस्यीय टीम आई है, जिसमें सदस्य डॉ. मनोज पांडा, सदस्य अजय नारायण झा, सदस्य एनी जॉर्ज मैथ्यू, सदस्य डॉ. सौम्या कांति घोष, सचिव रित्विक पांडे, संयुक्त सचिव राहुल जैन, संयुक्त निदेशक अमरूथा, उप-निदेशक मानस बाजपेयी, सहायक निदेशक कुलदीप सिंह मीणा, सहायक निदेशक आनन्द कुमार सिंह और निजी सचिव कुमार विवेक शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की 23 जून को 90वें जयंती थी। साल 2021 में उनके देहांत के बाद यह उनका तीसरा जन्मदिन था। 23 जून,1934 को जन्मे वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश के राजनीति में अमिट छाप छोड़ी। वे छह बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। निधन के बाद भी हिमाचल प्रदेश की राजनीति में उनके नाम का खासा प्रभाव है। उनके निधन के बाद से ही लगातार उनकी प्रतिमा शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर स्थापित करने की मांग उठती रही है। रविवार को उनकी जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल कांग्रेस के राज्य कार्यालय राजीव भवन में श्रद्धांजलि देने पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर याद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वीरभद्र सिंह के साथ उन्हें करीब 22 साल काम करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के काम को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। यहां जब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापना को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में सरकार विचार कर रही ह। रिज पर राष्ट्रीय स्तर के नेताओं की प्रतिमा स्थापित की गई है। हिमाचल प्रदेश सरकार रिज के आसपास के उपयुक्त स्थान का चयन करने में जुटी हुई है। निश्चित तौर पर वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। बता दें कि इसी साल फरवरी महीने के अंत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार में लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। विक्रमादित्य सिंह वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। विक्रमादित्य ने विधानसभा सभा परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने पिता की अपमान की बात कही थी। इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में विक्रमादित्य सिंह की आंखों से आंसू भी छलक पड़े थे। हालांकि बाद में विक्रमादित्य सिंह का इस्तीफा स्वीकार नहीं हुआ और कांग्रेस आलाकमान ने उन्हें मना लिया। इसके बाद मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव भी लड़े, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वीरभद्र सिंह के देहांत के करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी उनकी प्रतिमा स्थापना की मांग पूरी नहीं हुई है।
** शूलिनी शक्तिपीठम से 100 मीटर पहले आया हार्ट अटैक स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल के ओएसडी संजय शर्मा (53) का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। रविवार देर शाम वह सोलन के प्रसिद्ध शूलिनी शक्तिपीठम में माथा टेकने पहुंचे थे। करीब 100 मीटर पहले ही उन्हें हार्ट अटैक आया और वह गिर गए। दुकानदार उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृ*त घोषित कर दिया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विनोद सुल्तानपुरी रेस्ट हाउस में थे। उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी। अग्निहोत्री शूलिनी मेले की सांस्कृतिक संध्या में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। सभी मंत्री और नेता ठोडो मैदान चले गए। वहां संजय शर्मा के निधन का समाचार मिलते ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल, विधायक विनोद सुल्तानपुरी समेत अन्य नेता भी तुरंत अस्पताल पहुंच गए। सभी कांग्रेसी नेताओं ने संजय शर्मा के निधन पर शोक प्रकट किया है। संजय लंबे समय से डॉक्टर शांडिल के साथ जुड़े थे। वह सिरमौर जिला के नारग के रहने वाले थे।
सोलन में आयोजित तीन दिवसीय शूलिनी मेला के अवसर पर आयोजित उत्तर क्षेत्रीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता आज सम्पन्न हो गई। प्रतियोगिता के अंडर-13 आयु वर्ग में मोक्ष बरेट प्रथम तथा मनन शर्मा द्वितीय रहे। अंडर-15 वर्ग में अर्पण कश्यप प्रथम व ईशान गुप्ता द्वितीय तथा आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में मल्हार बेक्टा पहले, पार्थ शर्मा दूसरे तथा अर्नव तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-19 वर्ग में मयूर सक्सेना पहले, अधृत शर्मा दूसरे और तरूल तीसरे स्थान पर रहे। भाविका सूद को यंगेस्ट फीमेल खिलाड़ी चुना गया। वरिष्ठ वर्ग में उत्तम प्रकाश पहले, सूरज दहीया दूसरे स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग में गौरव शर्मा को सोलन में सर्वश्रेष्ठ चुना गया। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ वर्ग में सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का पुरस्कार सूर्यांशी शर्मा को दिया गया। विजेता खिलाड़ियों को सोलन ज़िला बार ऐसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता डी.के. शर्मा ने पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर सदस्य गौरव शर्मा, संकेत शर्मा, अधिवक्ता पियूष चंदेल, कौस्तुभ भारद्वाज सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


















































