लुधियाना पहुंचे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की जनता के लिए मुफ्त एवं अच्छे इलाज देने का ऐलान किया है। केजरीवाल के साथ प्रेस कांफ्रेंस में भगवंत मान, जरनैल सिंह, कुंवर विजय प्रताप व राघव चड्डा भी माैजूद थे। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में सरकार का तमाशा बना दिया गया है। यहां सत्ता की गंदी लड़ाई चल रही है। सभी सीएम बनना चाहते हैं। कांग्रेस में अंतर्कलह इतनी है कि सरकार गायब हो गई है। परेशान लोग अपनी समस्या कहां लेकर जाएं। पंजाब में स्वास्थ्य सुविधाएं खत्म हो गई हैं तथा प्राइवेट अस्पताल द्वारा जनता को लूटा जा रहा हैं। सरकारी अस्पताल में डाक्टर नहीं है। इसके साथ ही मरीजाें काे दवाईयां नहीं मिल रही है। आम आदमी का पहला मकसद पंजाब में सभी को मुफ्त और अच्छा इलाज देना है। दूसरा सभी दवाइयां के टेस्ट इलाज व ऑपरेशन मुफ्त होगा। पंजाब के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने बड़ा मास्टर स्ट्राेक खेला है। इस तरह के वादे कर आप पार्टी जनता को लुभाना चाहती है।
2017 में बीजेपी जिन सीटों पर जीत हासिल नहीं कर सकी थी, उन सीटों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन दिनों एक अभियान शुरू किया है। जिसके तहत मुख्यमंत्री ने सीतापुर, बाराबंकी, कुशीनगर में जनसभाएं की और वीरवार को कानपुर और उन्नाव पहुंचकर वहां भी जनसभा करेंगे। 2017 में 78 ऐसी सीटें ऐसी थी जहां बीजेपी और उसके सहयोगी नहीं जीत पाए थे, फिर उसके बाद ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा गठबंधन से अलग हो गई। उसकी 4 सीटों को भी पार्टी ने हारी हुई सीटों में शामिल कर लिया जिसके बाद ऐसी सीटों की संख्या 82 हो गयी। वहीं उपचुनाव में 2 सीट गंवाने के बाद इन सीटों की संख्या बढ़कर हो 84 गयी। अब इन 84 सीटों पर जीत की अलग रणनीति तैयार की है। इन 84 सीटों में भी 60 से ज्यादा सीटें ऐसी हैं। जहां बीजेपी का कमल आज तक नहीं खिला है। अब पार्टी का पूरा फोकस है कि कैसे 2022 में इन सीटों पर भी कमल खिलाया जाए।
महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध मौत मामले में सीबीआई कई लोगों से पूछताछ कर रही है। सीबीआई इस गुत्थी को सुलझाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी सिलसले में बीती रात महंत के शिष्य आनंद गिरि से भी सीबीआई ने घंटों तक पूछताछ की। सीबीआई की टीम आनंद गिरि को देर रात हरिद्वार स्थित श्यामपुर आश्रम ले गई थी, जहाँ सीबीआई ने करीब साढ़े 7 घंटे तक आनंद से पूछताछ की। आनंद गिरि से पूछताछ के बाद एचआरडीए ने आश्रम को फिर से सील कर दिया है। सीबीआई जांच के लिए आश्रम को खोला गया था। सीबीआई की टीम आनंद गिरी को फिलहाल आश्रम से दूसरी जगह ले गई है। सीबीआई ने आश्रम से आनंद गिरि का लैपटॉप बरामद किया है, इसके अलावा सीबीआई निर्माणाधीन आश्रम में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालेगी। बताया जा रहा है की सीबीआई की टीम आज भी हरिद्वार में रहेगी। गौरतलब है कि 20 सितंबर को महंत नरेंद्र गिरि ने अपने मठ में कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनके कथित सुसाइड नोट में बलवीर गिरि को इस मठ का महंत बनाने की बात कही गई थी। महंत नरेंद्र गिरि के वकील ऋषि शंकर द्विवेदी के मुताबिक, नरेंद्र गिरि ने अपनी आखिरी वसीयत चार जून, 2020 को बलवीर गिरि के नाम लिखी थी और वही मान्य है।
पंजाब सरकार की कमान संभालने के बाद सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका दिया है। आम आदमी पार्टी ने आम लोगों से एक 'बिजली बिल' पर एक वादा किया था। अब बिजली बिलों पर ही सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने बड़ा ऐलान कर दिया है। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने ऐलान किया कि राज्य में 1200 करोड़ के बकाया बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं। इस पैसे को पंजाब सरकार अपनी जेब से बिजली कंपनियों को देगी। सीएम चन्नी ने बताया कि सरकार के इस फैसले से पंजाब के 53 लाख परिवारों को फायदा होगा। बताया गया कि 2kw तक बिजली मीटर इस्तेमाल करने वालों के बकाया बिजली बिल माफ किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं कटे हुए बिजली कनेक्शन दोबारा बहाल भी किए जाएंगे। बता दें कि पंजाब समेत बाकी राज्यों में भी आम आदमी पार्टी ने फ्री बिजली देने का वादा किया था।
अपने संवैधानिक पद पर 20 साल का कार्यकाल पूरा करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड में जॉलीग्रांट एयरपोर्ट टर्मिनल का लोकार्पण और ऋषिकेश एम्स में ऑक्सीजन प्लांट का उद्धघाटन करेंगे। उत्तराखंड दौरे के चलते केदारनाथ धाम भी जा सकते है। बता दें कि उत्तराखंड में अगले साल यानि की 2022 में विधानसभा के चुनाव होने हैं। बीजेपी ने इसके लिए काफी पहले से तैयारी शुरू कर दी है। इस वजह से पीएम मोदी का ये दौरा बेहद अहम हो जाता है। इसी कड़ी कि चलते रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी 01 अक्टूबर को पेशावर विद्रोह के नायक वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा और स्मारक का अनावरण करने उत्तराखंड में उनके पैतृक गांव पीठसैंण जाएंगे। केंद्रीय मंत्री इस अवसर पर महिला स्वयं सहायता समूहों के बीच 5 लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण के चेक भी वितरित करेंगे और घसियारी (घास काटने वाले) कल्याण परियोजना का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत 25,000 ग्रामीण महिलाओं को उपकरण युक्त घसियारी किट वितरित की जाएगी।
अध्य्क्ष महंत नरेंद्र गिरि की मौत के बाद अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की गद्दी पर कौन विराजमान होगा इसका फैसला हो गया है। लेकिन इसका औपचारिक ऐलान पांच अक्टूबर को सोडसी भोज के दिन किया जाएगा। महंत नरेंद्र गिरि के कमरे से जो सुसाइड नोट मिला था, उसमें बलवीर गिरि का नाम लिखा था। बलवीर को ही गद्दी का महंत बनाने के लिए नोट में लिखा हुआ था। अब जानकारी मिली है कि निरंजनी अखाड़े के पदाधिकारियों के मुताबिक दो दिन बाद एक संतो की बैठक होगी। बैठक में मोहर लगने के बाद आने वाली पांच अक्टूबर को सोडसी भोज के दिन पंचपरमेश्वर की बैठक होने के बाद पूरे विधि विधान से बलवीर गिरि का पट्टाभिषेक कर उन्हें मठ बाघम्बरी गद्दी का महंत बना दिया जाएगा। यहाँ सोडसी भोज से अभिप्राय साधु संतों में होने वाले सोलहवे दिन का भोज से हैं। इस भोज में मर्तक साधु के 16 पसंदीदा वस्तुओं का दान भी किया जाता है। आम आदमियों में 13 दिन के बाद तेरहवीं संस्कार किया जाता है, लेकिन साधुओं में सोडसी मनाई जाती है। इसमें जिस संत की मृत्यु हुई है उसको जो पसंद होता है, उन 16 वस्तुओं का 16 लोगों मे दान किया जाता है और एक भोज कराया जाता है। माना जाता है कि इससे मृतक आत्मा को 16 संस्कारों से मुक्ति मिल जाती है।
पंजाब मामले में कांग्रेस आलाकमान नवजोत सिंह सिद्धू के मामले को लेकर अब और नहीं झुकेगा। आलाकमान ने इस पूरी तकरार में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के रुख को सही माना है। इसी वजह से पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत का चंडीगढ़ दौरा भी फिलहाल टाल दिया गया है। कांग्रेस आलाकमान ने अपने नये प्रदेश अध्यक्ष के लिए मंथन भी शुरू कर दिया है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वर्किंग प्रेसिडेंट कुलजीत नागरा और लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू का नाम नए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में आगे चल रहा है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद कांग्रेस में हड़कंप मचा है, चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक बैठकों का दौर जारी है। वहीं, सिद्धू की वजह से कुर्सी गंवाने वाले कैप्टन को पलटवार का नया मौका मिल गया है। दिल्ली पहुंचे कैप्टन ने सिद्धू की मानसिक स्थिति पर सवाल उठा दिए हैं। सिद्धू के समर्थन में कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना समेत अब तक सरकार और संगठन से चार लोग इस्तीफा दे चुके हैं। चुनाव से पहले पंजाब में परिवर्तन के दौरान कांग्रेस नेताओं पर काफी चुनौतियां आ गयी है।
जम्मू कश्मीर के उरी सेक्टर से गिरफ्तार आतंकी बाबर ने कैमरे पर पाकिस्तान की पोल खोली है। अपने कबूलनामे में बाबर ने कहा कि उसे उरी जैसे हमले के लिए भेजा गया था और पाकिस्तानी सेना ने ट्रेनिंग दी थी। बाबर ने कहा कि 9 आतंकियों ने पाकिस्तान में 3 हफ्ते की ट्रेनिंग ली थी। उसने आगे कहा है कि लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ने के लिए ISI ने 20 हजार दिए। फैक्ट्री में काम करने के दौरान ISI और लश्कर के आतंकी से मुलाकात हुई। बाबर ने बताया कि लश्कर अनाथ और गरीबों को जिहाद के लिए तैयार करता है। उसने कहा कि हमें बोला गया कि कश्मीरियों पर जुल्म होता है, यहां सभी खुश दिखे। गिरफ्तार आतंकी ने कहा, ''मैं पाकिस्तानी सेना और आईएसआई से गुजारिश करता हूं कि मुझे वापस बुला लिया जाए। भारतीय सेना ने मेरे साथ अच्छा व्यवहार किया। मेरे पर कोई जुल्म नहीं किया।'' बाबर की गिरफ्तारी पर सेना ने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तार से जानकारी दी थी। मेजर जनरल वीरेंद्र वत्स ने बताया कि आज जिस पाकिस्तान के आतंकी को गिरफ्तार किया गया है उसका नाम अली बाबर पात्रा है। इसकी उम्र महज उन्नीस साल है। अली बाबर आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य है। जो पाकिस्तान में करीब तीन महीने की आतंकी ट्रेनिंग ले चुका है। आतंकियों की घुसपैठ का मकसद 2016 के उरी जैसे बड़े हमले को अंजाम देना था।
राजधानी दिल्ली में एक बार फिर दिवाली बिना पटाखों के होगी। पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी ने 1 जनवरी 2022 तक राजधानी में सभी तरह के पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही पटाखों की बिक्री पर भी रोक लगा दिया गया है। पॉल्यूशन कंट्रोल कमेटी ने इस पर 2 वजहें बताई है। पहली कोरोना व दूसरी प्रदूषण बताई है। आदेशानुसार, सर्दियों में दिल्ली में प्रदूषण की समस्या बढ़ जाती है और पटाखों के जलाने से ये समस्या और गंभीर हो सकती है। इसके अलावा पटाखों के जलाने से प्रदूषण बढ़ने से कई तरह की हेल्थ से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं, आदेश में ये भी लिखा है कि पटाखोंके जलाने से प्रदूषण बढ़ने से कई तरह की हेल्थ से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं, जिससे खतरनाक केमिकल और गैस निकलती हैं जो वायु प्रदूषण का कारण बनती हैं और इससे लोगों को फेफड़ों और दिल से जुड़ी बीमारियां होने का खतरा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर पटाखों की बिक्री, जलाने और भंडारण पर रोक लगाने का ऐलान कर दिया था।
देश में सीनियर सिटिज़न्स को अब नौकरी करने का सुनहरा मौका मिल रहा है। सरकार वरिष्ठ नागरिकों को नए सिरे से नौकरी दिलाने की कोशिश कर रही है। इसके लिए एक पोर्टल शुरू हो रहा है, जिसमें सीनियर सिटिज़न्स अपना रजिस्ट्रेशन करवाकर अपने लिए रोज़गार की तलाश कर सकेंगे। इस तरह का एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज देश में पहली बार खोला जा रहा है। 1 अक्टूबर से इस पोर्टल की शुरुआत की जाएगी। मंत्रालय ने CII, Ficci और Assocham जैसे इंडस्ट्री चैंबर को भी लेटर लिखकर यह कहा है कि वरिष्ठ नागरिकों को रोज़गार हासिल करने में मदद करें। इस पोर्टल पर सीनियर सिटिज़न्स को अपने एजुकेशन, अनुभव, स्किल, रुचियों आदि की जानकारी देनी है। मंत्रालय ने कहा है कि यह एक्सचेंज रोज़गार की गारंटी नहीं दे रहा है। इसमें कंपनियों और नियोक्ताओं की मर्जी होगी कि वे किसी सीनियर की योग्यता, अपनी जरूरत को देखते हुए उसे अपने यहां नौकरी पर रखें।
हिमाचल प्रदेश के 19 लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं को प्रदेश में उगाया गया गेहूं और चावल डिपुओं में अब सस्ते दामों में मिलेगा। सरकार अब प्रदेश के किसानों से ही गेहूं और धान की सीधी खरीद करेगी। इसके बाद गेहूं की पिसाई और धान की थ्रेसिंग कर डिपुओं में उपभोक्ताओं को सस्ती दर पर राशन उपलब्ध करवाया जाएगा। सरकार किसानों से 19.50 रुपये प्रतिकिलो धान की खरीद अक्तूबर से शुरू कर देगी। प्रदेश में इस समय 3 लाख मीट्रिक टन धान और गेहूं की पैदावार हो रही है। डिपो में इस समय 5 लाख मीट्रिक टन गेहूं और चावल की आवश्यकता है। फूड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया अभी पंजाब, हरियाणा से गेहूं और चावल खरीदता है। इसके बाद इसे सब्सिडी पर हिमाचल प्रदेश को देता है। उपभोक्ताओं को आटा देने के लिए प्रदेश सरकार गेहूं की पिसाई करती है। राशन डिपुओं में अभी उपभोक्ताओं को करीब 9 रुपये किलो आटा और 10 रुपये किलो चावल दिया जा रहा है। सरकार का मानना है कि बाहरी राज्यों से हिमाचल प्रदेश में आने वाली गाड़ी का किराया और लोड-अनलोड का खर्च बचेगा। प्रदेश में मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, ऊना, सिरमौर और बिलासपुर में सबसे ज्यादा गेहूं और धान होता है।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स राष्ट्रीय मुख्यालय के तत्वाधान में राज्य सदस्यता वृद्धि समन्वयक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 26 सितंबर से 30 सितंबर तक तमिलनाडु के चेन्नई में हो रहा है, जिसमें भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हिमाचल प्रदेश के चार युवक शामिल होंगे। इनमें शिमला के हरीश शर्मा, कांगड़ा के कर्ण ठाकुर, मंडी के अंकुश ठाकुर एवम हमीरपुर के विशाल ढटवालिया इस राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में हिमाचल के प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। डॉक्टर राज कुमार, राज्य सचिव भारत स्काउट्स एंड गाइड्स हिमाचल प्रदेश ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में कब–बुलबुल, स्काउट एवं गाइड, रोवर–रेंजर की सदस्यता को बढ़ावा देना है, ताकि स्काउटिंग के कार्यक्रमो द्वारा अधिक से अधिक युवाओं का सर्वांगीण विकास कर उन्हें समाज के लिए उत्तरदायी नागरिक बनाया जा सके। डॉक्टर अमरजीत कुमार शर्मा, राज्य मुख्य आयुक्त एवम उच्च शिक्षा निदेशक हिमाचल प्रदेश एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स राज्य मुख्यालय के सभी अधिकारियों ने चारों प्रतिभागियों को इस कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दी है।
कुल्लू में अखाड़ा बाजार स्तिथ अन्नपूर्णा होटल में भयंकर आग लग गई है। आग पर काबू के लिए दमकल विभाग मौके पर पहुंच गया है। मिली सूचना के आधार पर आग करीब दोपहर 3:15 बजे लगी है। जिस पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलापर को कुल्लू के अखाड़ा बाजार में अन्नपूर्णा स्वीट्स शॉप में सिलेंडर फटने से आग लग गई। जिसमें स्वीट्स शॉप की 40 हजार रूपए की संपति जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि आग लगने के बाद तुरंत दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और साथ लगती दुकानों और मकानों को आग की भेंट चढ़ने से बचाया। दमकल विभाग अधिकारी दुर्गा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार बाद दोपहर दूरभाष पर अखाड़ा बाजार में संजीव कुमार की दुकान अन्नपूर्णा स्वीट्स शॉप में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि आग लगने से संजीव कुमार की दुकान का 40 हजार रूपए का नुक्सान हुआ है। जबकि साथ लगते मकानों और दुकानों का करीब 2 करोड़ का नुक्सान होने से बचा लिय गया है।
पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर भूचाल आ गया है। नए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब अचानक कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पंजाब कांग्रेस में सब कुछ ठीक होने की खबरों के बाद मंगलवार को अचानक बवाल हो गया। सिद्धू ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिआ गाँधी को भेजा है , हालांकि, उन्होंने कहा है कि वे कांग्रेस में बने रहेंगे। सिद्धू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को लिखे खत में कहा कि वे कांग्रेस पार्टी के सदस्य बने रहेंगे। पंजाब में आज नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा हुआ है और इसके चंद घंटे बाद ही सिद्धू ने सोनिया गांधी को इस्तीफा भेज दिया। इसके पीछे कुछ महत्वपूर्ण वजह हैं। दरअसल, जब पंजाब में मंत्रियों के नाम तय किए गए तब राहुल गांधी ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बातचीत कर इसका फैसला किया। इसमें कहीं भी नवजोत सिंह सिद्धू को शामिल नहीं किया गया। पहले दिन की मीटिंग में उन्हें जरूर बुलाया गया, लेकिन जब राहुल गांधी शिमला से लौटकर आए तब की मीटिंग में सिद्धू को शामिल नहीं किया गया। दूसरी वजह ये भी बताई जा रही है कि सीएम चन्नी द्वारा जिन भी लोगों को मंत्री मंडल में शामिल किया गया इस बारे में नवजोत सिंह सिद्धू की नहीं मानी गई।
हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव का बिगुल बज गया है। चुनाव आयोग की ओर से हिमाचल प्रदेश की एक लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों के लिए चुनाव की तारीखों के एलान के साथ ही प्रदेश के आठ जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इसके साथ ही तबादलों से लेकर नई घोषणाओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लग गई है। आचार संहिता लगते ही सीएम जयराम ठाकुर का किन्नौर दौरा भी रद्द हो गया है। बता दें हिमाचल की एक लोकसभा सीट मंडी का उपचुनाव 30 अक्तूबर को होगा। इसी के साथ हिमाचल की तीन विधानसभा सीटों के लिए भी इसी दिन चुनाव होगा। आयोग के शेड्यूल के मुताबिक एक अक्तूबर को चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि आठ अक्तूबर तय की गई है। 11 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी। 13 अक्तूबर नामांकन वापसी का दिन तय किया गया है। इसके बाद 30 अक्तूबर को मतदान होगा। दो नवंबर को वोटों की गिनती होगी। पांच नवंबर से पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। राज्य में मंडी संसदीय सीट पर लोकसभा के चुनाव होने हैं, जबकि फतेहपुर, जुब्बल-कोटखाई और अर्की सीट पर विधानसभा के चुनाव होने हैं।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के खंमीगर ग्लेशियर में ट्रैकिंग पर गए दो लोगों की ताजा बर्फबारी के बाद ठंड से मौत हो गई है। 18 सदस्यीय दल में से दो लोग लौट आए हैं जबकि 14 अब भी ग्लेशियर में फंसे हुए हैं। भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से हेलीकॉप्टर से मदद नहीं की जा सकती है। लिहाजा, इन्हें बचाने के लिए 32 सदस्यीय बचाव दल गठित कर रवाना किया गया है। इस दल को ग्लेशियर तक पहुंचने में तीन दिन का वक्त लगेगा। जानकारी के अनुसार बीते 15 सितंबर को इंडियन माउंटेनरिंग फाउंडेशन पश्चिम बंगाल का छह सदस्यीय दल बातल से काजा वाया खंमीगर ग्लेशियर ट्रैक (करीब 5034 मीटर ऊंचाई) को पार करने के लिए रवाना हुआ था। इस दल के साथ 11 पोटर (सामान उठाने वाले) और एक स्थानीय गाइड (शेरपा) साथ था। तीन दिन पहले ताजा बर्फबारी की वजह से यह दल ग्लेशियर में फंस गया। अत्याधिक ठंड की वजह से भास्कर देव मुखोपाध्याय (61) सनराइज अपार्टमेंट 87डी आनंदपुर बैरकपुर कोलकाता पश्चिम बंगाल और संदीप कुमार ठाकुराता (38) थ्री राइफल रेंज रोड प्लॉट नंबर जेडए, पूव्यान अवासन बेलगोरिया पश्चिम बंगाल ने दम तोड़ दिया। पश्चिम बंगाल के ही अतुल(42) और एक पोटर ने जैसे-तैसे काजा पहुंचकर सोमवार को इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। लाहौल-स्पीति के उपायुक्त नीरज कुमार ने बताया कि रेस्क्यू दल में 16 आईटीबीपी और 6 डोगरा स्काउट के जवान शामिल हैं। इनमें एक चिकित्सक भी है। साथ ही 10 पोटर हैं। बचाव का काम पिन घाटी के काह गांव से शुरू होगा। पहले दिन 28 सितंबर को काह से चंकथांगो, दूसरे दिन चंकथांगो से धार थांगो और तीसरे दिन धारथांगो से खंमीगर ग्लेशियर टीम पहुंचेगी। खंमीगर ग्लेश्यिर से काह पहुंचने में भी तीन दिन लगेंगे।
नशे की एक बड़ी खेप को भारत पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाले दो अफगान नागरिकों को डीआरआई टीम ने राजधानी शिमला से गिरफ्तार किया है। प्राप्त सूचना के अनुसार राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से जब्त की गई हेरोइन की खेप की जांच के संबंध में रविवार-सोमवार की रात राजधानी शिमला स्थित एक होटल से दो अफगान नागरिकों को गिरफ्तार किया है। रात करीब ढाई बजे डीआरआई की दिल्ली की एक टीम ने छोटा शिमला स्थित एक होटल में दबिश दी। टीम ने यहां पहले से मौजूद दो अफगान नागरिकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और करीब तीन घंटे पूछताछ और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को लेकर सुबह साढ़े छह बजे दिल्ली रवाना हो गई। डीआरआई ने करीब दस दिन पहले गुजरात के मुंद्रा पोर्ट से कंटेनर में छुपाकर लाई जा रही तीन हजार किलो हेरोइन की बड़ी खेप को पकड़ा था। इस खेप की करीब नौ हजार करोड़ रुपये कीमत आंकी गई है। सूत्रों का कहना है कि मामले की जांच कर रही डीआरआई ने इस संबंध में पिछले तीन दिन में तीन लोगों को अपनी गिरफ्त में लिया है। इन्हीं से हुई पूछताछ के आधार पर जांच अधिकारियों को शिमला में दो अफगान नागरिकों के छुपने की जानकारी मिली थी। दिल्ली की टीम ने छोटा शिमला पुलिस के कुछ कर्मियों के साथ मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। शिमला में हुई इस कार्रवाई की जानकारी बेहद कम लोगों को दी गई। पुलिस के आला अधिकारियों को भी पूरी कार्रवाई के बाद जानकारी दी गई।
पंजाब सरकार में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा हो गया है, जिसमे नए चेहरों को कांग्रेस रणनीति के अनुरूप माना जा रहा है। इसमें सुखजिंदर सिंह रंधावा को गृह मंत्रालय दिया गया है। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने रविवार को राज्य मंत्रिपरिषद का पहला विस्तार कर 15 कैबिनेट मंत्रियों को शामिल किया था, जिसमें सात नए चेहरे है। राज्य में पांच महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस कवायद से सत्तारूढ़ दल कांग्रेस ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में ओपी सोनी को स्वास्थ्य मंत्री, अमरिंदर राजा वारिंग परिवहन मंत्री, गुरकीरत सिंह कोटली उद्योग और वाणिज्य मंत्री, परगट सिंह- उच्च शिक्षा और खेल मंत्री। मंत्रिपरिषद के विस्तार में रणदीप सिंह नाभा, राजकुमार वेरका, संगत सिंह गिलजियां, परगट सिंह, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और गुरकीरत सिंह कोटली नए चेहरे हैं। राणा गुरजीत सिंह ने 2018 में अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद वापसी की है। बताया जाता है कि पंजाब के मंत्रिपरिषद में सात नए चेहरों को जगह मिलने से इसे कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रणनीति के अनुरूप माना जा रहा है। इसके विपरित अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में मंत्री रहे ब्रह्म मोहिंद्रा, मनप्रीत सिंह बादल, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, अरुणा चौधरी, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, रजिया सुल्ताना, विजय इंदर सिंगला, भारत भूषण आशु को फिर से मंत्रिपरिषद में जगह दी गई। एक बड़े फेर बदल के साथ कांग्रेस अब फिर से पंजाब की सियासत में अपना सिक्का ज़माने में कितनी कामयाब हो पाएगी यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
हिमाचल में उपचुनावों का बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने चुनावों की तारीख घोषित कर दी है। ये उपचुनाव 30 अक्तूबर को होंगे। इसी के चलते भाजपा की चुनावों के लेकर पीटरहॉफ शिमला में बैठक शुरू हो गयी है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं सह प्रभारी संजय टंडन इस बैठक में उपस्थित है। वंही ,भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि हिमाचल में उपचुनाव घोषित हो गए है, भाजपा इस घोषणा की काफी लंबे समय से इंतज़ार कर रही है। भाजपा इन चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है और भाजपा एक ऐसा राजनीत दल है जो पूरे समय काम करता है। भाजपा इन उपचुनावों में सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही हमारी चुनाव समिति की बैठक हो जाएगी और हमारे सभी प्रत्याशीयों का पैनल केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजें जाएंगे, केंद्रीय संसदीय बोर्ड दिल्ली आए प्रत्याशीयों की घोषणा करेगा। उन्होंने कहा को भाजपा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगा, हिमाचल के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश में विकास एवं जनकल्याण के अनेकों कार्य किए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एवं प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप के सशक्त नेतृत्व भाजपा मंडी लोक सभा, जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर एवं अर्की का उपचुनाव जीतेगी।
जम्मू कश्मीर में आतंक फैलाने की पाकिस्तानी साजिश पर बड़ा खुलासा हुआ है। कश्मीर के उरी में पाकिस्तान के खिलाफ आतंक का जिंदा सबूत मिला है। सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश करने वाले एक पाकिस्तानी आतंकी को धर दबोचा है। एनकाउंटर के दौरान एक आतंकी मारा भी गया है। मारे गए आतंकी के पास से सुरक्षाबलों को पाकिस्तान की करेंसी मिली है। एक आतंकी जो फरार हुआ है वो पाक खुफिया विभाग ISI का एजेंट बताया जा रहा है। इस पूरे ऑपरेशन को लेकर सेना आज दोपहर एक बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ज्यादा जानकारी देगी। आज जो कामयाबी सुरक्षाबलों को मिली है वो इसलिए भी खास है क्योंकि आज ही के दिन पांच साल पहले सेना ने पाकिस्तान के आतंक के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की थी। सुरक्षाबलों को 18 सितंबर को उरी में 5-6 आतंकियों के घुसपैठ की जानकारी मिली थी। इसी के बाद से कई दिनों तक उरी में तलाशी अभियान चलाया गया। 23 सितंबर को उरी के हथलंगा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। 23 सितंबर को हुई इस मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए थे।
जनजातीय क्षेत्रों में होने वाले चुनावों के लिए सोमवार को शाम तीन बजे चुनाव प्रचार थम गया है। पंचायत प्रतिनिधियों को चुनने के लिए बुधवार को मतदान होगा। यह चुनाव पांगी, केलांग और काजा में होने है। मतदान के लिए सरकारी एवं निजी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को पोलिंग के दिन छुट्टी देना अनिवार्य है। अगर कोई कंपनी या सरकारी कार्यालय के अधिकारी अपने अधीन काम कर रहे कर्मचारियों को वोट डालने के लिए छुट्टी नहीं देता है, तो उस पर केस बनेगा। साथ ही 500 रुपए का जुर्माना भी लगाया जाएगा। छुट्टी सिर्फ पोलिंग वाले दिन ही मिलेगी। इससे पहले पोलिंग स्टेशन तक पहुंचने के लिए छुट्टी का प्रावधान नहीं है। ऐसे में अब चुनाव प्रक्रिया समाप्त हो जाने तक इन क्षेत्रों में शराब के ठेके, बार व अन्य जगहें जहां पर शराब की बिक्री होती हैं, वह सभी जगहें बंद रहेगी। आदेश न मानने पर दो हजार रुपए का जुर्माना और छह महीने की कैद हो सकती है। यह दोनों सजाएं एक साथ भी हो सकती है। पहले चरण के चुनाव 29 सितंबर को होने है। चुनावों के लिए 170 पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गई है। यह पोलिंग पार्टियां अपने-अपने पोलिंग स्टेशन पर पहुंच चुकी है। मतदान के लिए 295 केंद्र स्थापित किए है। इनमें से 18 मतदान केंद्र संवदेनशील और 277 मतदान केंद्र सामान्य मतदान केंद्र घोषित किए गए है। इस प्रक्रिया में कोविड मरीज व क्वारंटाइन में रह रहे व्यक्ति भी भाग लेंगे। इस चुनाव प्रक्रिया में 42 हजार से ज्यादा मतदाता भाग लेंगे। जनजातीय क्षेत्रों में होने वाले चुनावों में तीन पंचायतों की कमान महिला अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथ में रहेगी। इनमें केलांग जिला की तीन पंचायतें केलांग, उदयपुर और जालमा शामिल है। पांगी, केलांग और काजा में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के लिए चुनाव प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम तीन बजे समाप्त होगी।
चुनाव आयोग ने हिमाचल समेत तमाम राज्यों में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। ये चुनाव 30 अक्टूबर को होगा। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 1 लोकसभा और 3 विधानसभा सीटों पर ये उपचुनाव होंगे। मंडी लोकसभा सीट के साथ-साथ फतेहपुर, अर्की और जुब्बल-कोटखाई विधानसभा सीट के लिए ये चुनाव होंगे। विधानसभा उपचुनाव के लिए 8 अक्टूबर तक नामांकन भरे जा सकते हैं। 13 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 30 अक्तूबर (सोमवार को होगा) और मतगणना 2 नवंबर को होगी।
बीते कई महीनों से राजधानी दिल्ली में किसानों द्वारा तीन नए कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है। इसके चलते किसानों ने भारत बंद का एलान किया है। इसका असर आंध्र प्रदेश के अलावा देश के कई हिस्सों में देखने को भी मिल रहा है। बताया जा रहा है की सुबह से आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो रही है, जिसकी वजह से इस जगह पर बंद होने का असर नहीं दिख रहा है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत विपक्षी दलों ने दस घंटे के लिए बुलाए गए भारत बंद का समर्थन किया है। चक्रवात तूफान गुलाब के चलते आंध्र प्रदेश में रविवार से ही बारिश हो रही है। आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस सरकार ने भारत बंद को समर्थन किया है और आरटीसी बस सेवाओं को रोक दिया है । साथ ही सोमवार को स्कूलों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया था। मुख्य विपक्षी दल तेलुगु देशम ने भी कांग्रेस और वाम दलों के साथ बंद का समर्थन किया। हालांकि, बारिश के कारण हड़ताल और रैलियों जैसी गतिविधियों को बाहर नहीं किया गया।
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। प्रयागराज की सीजेएम कोर्ट ने इस मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों आनंद गिरि, आद्या तिवारी और संदीप तिवारी को 7 दिन के लिए सीबीआई की रिमांड में भेज दिया है। हालांकि सीबीआई ने अदालत से 10 दिन की रिमांड मांगी पहले अदालत ने सीबीआई को 5 दिनों की रिमांड दी थी। लेकिन सीबीआई के अनुरोध पर इसे 2 दिनों के लिए और बढ़ा दिया गया। इस केस में अब तक कि जाँच में महंत नरेंद्र गिरि के नाम से फर्जी ट्विटर अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है । जो सीबीआई जांच के दायरे में रहेगा। सीबीआई इस मामले में जांच कर यह यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि कहीं खुदकुशी के लिए दबाव बनाने वालों ने ही तो फर्जी ट्विटर अकाउंट तैयार नहीं किया था। रविवार को सीबीआई टीम प्रयागराज स्थित उस स्थान पर पहुंची जहां नरेंद्र गिरि की बॉडी मिली थी। फॉरेंसिक लैब के अधिकारियों के साथ घटनास्थल बाघम्बरी मठ पर पहुंची सीबीआई टीम ने क्राइम सीन क्रिएट किया और एक एक पहलू का गहन निरीक्षण किया। सीबीआई ने, उस पंखे से जिससे नरेंद्र गिरि की बॉडी लटकती पाई गई थी, में उनके वजन के बराबर का बोरा लटकाकर स्थितियों का मुआयना किया । सीबीआई की टीम ने पंखे, नायलान की रस्सी समेत मौका-ए वारदात से प्राप्त दूसरे सभी सबूतों का अध्ययन किया। फॉरेंसिक लैब के अधिकारियों ने कमरे में मौजूद एक एक चीज का बारीकी से निरीक्षण किया और कई सबूत इकट्ठा किए।
दिल्ली: बीते कई महीनों से राजधानी दिल्ली में किसानों द्वारा तीन नए कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है। इसके चलते किसानों ने भारत बंद का एलान किया है। किसान संगठनों ने आज कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का ऐलान किया है। पंजाब समेत हरियाणा में इसका असर देखने को भी मिल रहा है। ऐसे में अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसानों को अपना समर्थन दिया है। दरअसल, कांग्रेस लगातार किसानों का कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध में समर्थन करते हुए दिखी है। वहीं, आज किसानों के इस भारत बंद का राहुल गांधी ने समर्थन दिया है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, "किसानों का अहिंसक सत्याग्रह आज भी अखंड है लेकिन शोषण-कार सरकार को ये नहीं पसंद है। इसलिए आज भारत बंद है" उन्होंने अपनी बात का अंत #istandwithfarmers हैशटैग का इस्तेमाल कर किया।
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भारत बंद पर पलटवार करते हुए कहा कि, राजनीतिक विपक्ष दल बंजर जमीन पर खेती करने की कोशिश में है और किसानों को गुमराह कर राजनीतिक रोटियां सेंकना चाह रहे है। ऐसे विपक्षी राजनीतिक दल किसानों के कंधों पर रखकर बंदूक चलाने की कोशिश कर रहे हैं जबकि देश के बड़ी संख्या में किसान केंद्र सरकार की नीतियों के साथ में हैं और वह इन राजनीतिक दलों के बहकावे में नहीं आ रहे है। केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जो किसान नेता तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की बात कर रहे है। वह शुरुआत से कहते आ रहे हैं कि एमएसपी यानी न्यूनतम समर्थन मूल्य खत्म हो जाएगी। मंडिया बंद हो जाएगी और उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया जाएगा। लेकिन हकीकत इससे उलट है, मोदी सरकार ने फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी बढ़ाया है। नई मंडीयां खोली जा रही हैं और किसानों की जमीन जबरन छीनने जैसी कहीं कोई बात तक नहीं है। मुख्तार अब्बास नकवी ने आगे कहा कि, विपक्षी राजनीतिक दल कुछ किसानों का इस्तेमाल कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने का काम कर रहे हैं। क्योंकि ऐसे सभी विपक्षी राजनीतिक दलों की राजनीतिक जमीन बंजर हो चुकी है और अब वह किसानों के कंधे पर बंदूक रखकर अपनी बंजर पड़ी जमीन को सींचने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि विपक्षी राजनीतिक दलों को इसमें भी कोई कामयाबी नहीं मिलेगी क्योंकि मोदी सरकार में देश में बड़ी संख्या में किसानों को लेकर जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका सीधा फायदा देश के किसानों को मिल रहा है। इसी वजह से गिने चुने किसानों को छोड़कर बड़ी संख्या में किसान मोदी सरकार के साथ है।
Audi-BMW ब्रांड के टाप मॉडल की 20 कारों की कीमत वाला हरियाणा के कैथल जिले का सुल्तान झोटा अब इस दुनिया में नहीं रहा। सुल्तान को दिल का दौरा पड़ने से 14 साल की उम्र में निधन हो गया। सुल्तान की एक मेले में करीब 21 करोड़ रुपये कीमत लगी थी मगर मालिक नरेश ने उसे बेचने से इनकार कर दिया था। सुल्तान को उसका मालिक अपने बच्चों से भी ज्यादा प्यार करता था। अब उसके चले जाने से मालिक नरेश बेहद दुखी हैं।घर में मातम पसरा हुआ है, मालिक नरेश कभी खूंटे तो कभी सुल्तान की तस्वीर को निहारते रहते हैं। सुल्तान के सीमन की मांग न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश में थी। हिसार में रिसर्च सेंटर में भी आने वाले पशुपालक सुल्तान के सीमन को लेकर मांग करते थे, ताकि मुर्राह नस्ल का फिर एक सुल्तान तैयार हो सके। मालिक नरेश ने कहा कि कैथल के बुढ़ाखेड़ा गांव को पहले कोई नहीं जानता था मगर जब से सुल्तान इस गांव में आया तब से गांव की पहचान बन गई। सुल्तान केवल हरियाणा पंजाब के ही नहीं बल्कि देशभर के पशु मेले में गया और वहां पर चैंपियन बनकर लौटा। उसकी खूबसूरती का कोई जवाब नहीं था। उसने मुझे देशभर में फेमस कर दिया। उसके अहसान को मैं जिंदगी भर नहीं चुका सकता। सुल्तान बेहद लग्जरी लाइफ जीता था, सुल्तान रोज दस किलो दूध पीता था तो करीब 15 किलो सेब खाता था। सर्दियों में दस किलो गाजर रोजाना खाता था। इसके अलावा ड्राई फ्रूट और अन्य तरह के उत्पाद उसके लिए स्पेशल तैयार किए जाते थे। केले और घी की खुराक उसके लिए अलग से थी। सुल्तान की रोजाना की खुराक का खर्चा करीब 2000 से ज्यादा था। किसी किसी दिन 3 से 4 हजार रुपये तक खर्च किए जाते थे। सुल्तान करीब छह फीट ऊंचा था तो उसका वजन डेढ़ टन था। 2013 में वह चैंपियन बना था। देशभर में उसके सीमन की मांग थी और करीब एक डोज ही 310 रुपये में बिकती थी। सुल्तान करीब हर साल मालिक को एक करोड रुपये कमाकर देता था। सुल्तान की एक मेले में अफ्रीका के एक किसान ने 21 करोड़ रुपये कीमत लगाई थी मगर मालिक नरेश ने देने से इनकार कर दिया। मालिक नरेश का कहना है कि सुल्तान जैसा कोई नहीं हो सकता। बता दें कि सुल्तान विस्की पीने का भी शौकीन था। सुल्तान की खूबसूरती के सभी मुरीद थे। चमकता शरीर और काले सींग देखकर हर कोई दांतो तले ऊंगली दबा लेता था। यही कारण है कि सुल्तान को एक म्यूजिक एलबम में भी काम दिया गया। सुल्तान मुर्राह नस्ल का झोटा था और उसके सीमन से कई क्लोन भी तैयार किए गए मगर सुल्तान जैसा कोई नहीं हो सका। मालिक नरेश ने बताया कि सुल्ताना को नहला दुहला कर बांधा था मगर वह मृत अवस्था में मिला। पता चला कि दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। मालिक नरेश ने कहा कि कोशिश करेंगे सुल्तान की नस्ल का कोई और झोटा मिले और उसे तैयार किया जा सके।
चारधाम यात्रा में दर्शनार्थियों की सीमित संख्या व ई-पास की अनिवार्यता के विरोध में सोमवार को केदारघाटी के सभी बाजार बंद रहा। बिना ई-पास के केदारनाथ धाम की यात्रा पर आ रहे यात्रियों को आधे रास्ते से ही वापस लौटाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अभी तक बिना ई-पास के पहुंचे 900 से अधिक यात्रियों को गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, अगस्त्यमुनि से वापस लौटाया जा चुका है इस दौरान सोनप्रयाग में प्रदर्शन भी होगा। होटल एसोसिएशन के नेतृत्व में आंदोलन में सभी कारोबारी संगठन शामिल हैं। दर्शनार्थियों ने सरकार से ई-पास व्यवस्था को खत्म करने की मांग की है साथ ही कहा ये किसी भी स्थिति में ठीक नहीं है। एक सप्ताह से सरकार को पत्राचार व दूरभाष के माध्यम से स्थिति से अवगत कराया जा रहा है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस कारण यात्रा व्यवस्था के विरोध में केदारघाटी बंद का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार को गुप्तकाशी से गौरीकुंड तक सिर्फ दवा की दुकानें खुलीं हैं। इसके अलावा सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। इस दौरान अगर कोई भी घटना होती है तो उसके लिए शासन, प्रशासन, पुलिस और उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम बोर्ड जिम्मेदार रहेगा।
नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिेए राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री ने पिछले साल 15 अगस्त को लाल किले से राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य अभियान की पायलट परियोजना की घोषणा की थी। फिलहाल इस योजना को छह केंद्र शासित प्रदेशों में प्रारंभिक चरण में लागू किया जा रहा है। इसके पश्चात, प्रधानमंत्री इस अवसर पर अपना संबोधन भी देंगे'' एनडीएचएम की राष्ट्रव्यापी शुरूआत आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की तीसरी वर्षगांठ के साथ ही की जा रही है। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया भी उपस्थित रहेंगे। जन-धन, आधार और मोबाइल ट्रिनिटी और सरकार की अन्य डिजिटल पहलों के रूप में तैयार बुनियादी ढांचे के आधार पर एनडीएचएम स्वास्थ्य संबंधी व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा, गोपनीयता और निजता को सुनिश्चित करते हुए एक विस्तृत श्रृंखला के प्रावधान के माध्यम से डेटा, सूचना और जानकारी का एक सहज ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार करेगा। इससे बुनियादी ढांचा सेवाओं के साथ-साथ अंतर-प्रचालनीय और मानक-आधारित डिजिटल प्रणाली का विधिवत लाभ उठाया जा सकेगा। इस अभियान के अंतर्गत नागरिकों की सहमति से स्वास्थ्य रिकॉर्ड तक पहुंच और आदान-प्रदान को सक्षम बनाया जा सकेगा साथ ही यह चिकित्सकों के साथ ही अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के लिए व्यवसाय में भी आसानी को सुनिश्चित करेगा।
कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने आज भारत बंद बुलाया है। किसान संगठनों का ये भारत बंद सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। दिल्ली की सीमाओं पर पहले से ही हज़ारों किसान डटे हुए हैं, ऐसे में अब भारत बंद बुलाने के कारण दिल्ली, यूपी और आसपास के क्षेत्र में जाम की स्थिति है। दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर से सोमवार सुबह हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई। यहां बॉर्डर पर गाड़ियों की लंबी कतार है और हजारों कारें सड़कों पर दिखाई दे रही हैं। किसानों के प्रदर्शन के कारण कई जगह सड़कें बंद हैं, वहीं आज सोमवार है तो ऑफिस के लिए भी लोगों का निकलना हो रहा है, ऐसे में गुरुग्राम बॉर्डर पर गाड़ियों की लम्बी कतारे देखी गयी। दिल्ली-चंडीगढ़ के रास्तों पर किसानों ने प्रदर्शन के कारण जाम लगा है। किसान संगठनों द्वारा सोमवार को हरियाणा के बहादुरगढ़ में रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन किया गया। बिहार के पटना में भी किसानों के समर्थन में राजद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। बता दें कि किसान नेता राकेश टिकैत ने भी लोगों से अपील ही कि शाम 4 बजे तक घरों से बाहर ना निकलें, वरना जाम में फंस सकते हैं। हालांकि राकेश टिकैत ने कहा है कि किसी भी एम्बुलेंस या अन्य किसी जरूरी वाहन को निकलने के लिए रास्ता दिया जाएगा।
तेवर बता रहे है कि खेल अभी बाकी है। भले ही कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम पद से हटाकर उनकी सियासी विदाई का बंदोबस्त कर दिया हो, लेकिन कैप्टन न झुकते लग रहे है और न रुकते। पिछले विधानसभा चुनाव को अपना अंतिम चुनाव करार देने वाले कैप्टन अब चुनाव लड़ने की बात भी कह रहे है और लड़वाने की भी। 'महाराजा पटियाला' ऐलान कर चुके है कि आगामी विधानसभा चुनाव में अगर कांग्रेस का चेहरा सिद्धू हुए तो वे उनके खिलाफ दमदार प्रत्याशी मैदान में उतारेंगे। कैप्टन ये भी इशारा दे चुके है कि राजनीति चलने का नाम है थमने का नहीं, और उनके पास विकल्प भी है। अब फिलहाल कांग्रेस में तो कैप्टन की राजनीति चलती दिख नहीं रही, यानी पंजाब की सियासी फिल्म का क्लाइमेक्स अभी बाकी है। कैप्टन की जद्दोजहद अभी बाकी है, अमभवतः कोई ट्विस्ट अभी बाकी है। पर्दा सिर्फ इस बात से उठना है कि कैप्टन का अगला कदम क्या होगा, क्या कैप्टेन नई पार्टी बनाएंगे, क्या कैप्टेन भाजपा में जाएंगे, या फिर बिना किसी दल में शामिल हुए चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेंगे। बहरहाल पंजाब कांग्रेस में हुई इस उठापठक के बीच आगामी विधानसभा चुनाव में भरपूर एक्शन तय है। सियासी गलियारों में चर्चा आम है कि भाजपा कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपने खेमे में लाने को प्रयासरत है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज तो खुलकर कैप्टेन को न्योता दे चुके है। वैसे भी पंजाब में भाजपा में न धार और न पार्टी का जनाधार। ऐसे में कैप्टन के साथ कांग्रेस की पूरी एक लॉबी को इम्पोर्ट करके भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करवा सकती है। वैसे भी बीते कुछ वर्षों में ये भाजपा की सबसे सफल रणनीति साबित हुई है। अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में भाजपा सरकार इसी रणनीति की देन है। पर कैप्टन और भाजपा के बीच सबसे बड़ी खाई देश में चल रहा किसान आंदोलन है। माहिर मानते है कि यहां कैप्टन कोई समझौता करेंगे, ऐसा मुश्किल है। बरहाल कांग्रेस हो या भाजपा या कोई अन्य दल, सबकी नज़रें कैप्टन अमरिंदर सिंह पर टिकी है। पांच दशक से भी अधिक की अपनी राजनीति और अनुभव के बुते कैप्टन पंजाब में खेला करने की कुव्वत भी रखते है और तेवर बता रहे है कि जुर्रत भी। अंदाजा इसी बात से लगा लीजिये कि कैप्टन राहुल -प्रियंका को अनुभवहीन करार दे चुके है। कांग्रेस से खफा सिर्फ कैप्टन ही नहीं है, सुनील जाखड़ जैसे कई अन्य दिग्गज भी पार्टी के रुख और कार्यशैली से असंतुष्ट दिख रहे है। ऐसे में मिशन रिपीट का ख्वाब संजोये बैठी कांग्रेस को सुनिश्चित करना होगा कि ये एक और एक ग्यारह न हो। असंतोष न साधा गया तो नुक्सान तय होगा। चन्नी 'हिट' हुए तो सिद्धू 'फिट' नहीं होंगे जगजाहिर है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की फेयरवेल फिल्म का निर्देशन नवजोत सिंह सिद्धू ने किया था और कैप्टन के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए खुद नवजोत सिंह सिद्धू, सुनील जाखड़, अंबिका सोनी और सुखजिंदर सिंह रंधावा के नामों पर कयास लगते रहे पर कांग्रेस हाईकमान ने चरणजीत सिंह चन्नी के नाम का ऐलान करके सबको चौंका दिया। चन्नी पंजाब में दलित समुदाय से पहले मुख्य्मंत्री है। दरअसल पंजाब विधानसभा के चार महीने पहले पार्टी ने दलित कार्ड खेला है। पंजाब में 30 प्रतिशत से अधिक दलित सिख है ऐसे में चन्नी को सीएम बनाकर पार्टी की नज़र इस वोट पर है। वहीँ प्रदेश अध्यक्ष सिद्धू जाट सिख है और अगले सीएम के लिए उनके नाम पर सस्पेंस क़याम रखकर पार्टी जाट सिख वोट को भी साधना चाह रही है। एक वर्ग मानता है कि बतौर मुख्यमन्त्री चन्नी की तैनाती कांग्रेस का मास्टर स्ट्रोक सिद्ध हो सकता है पर ये भी तय है कि यदि कांग्रेस वापस सत्ता में लौटती है तो चन्नी को हटाना भी पार्टी के लिए आसान नहीं होने वाला। चन्नी हिट हो गए तो सीएम की कुर्सी पर 2022 में भी सिद्धू शायद फिट न हो पाएं।
कुल्लू में बुनकर सेवा व डिजाइन रिसोर्स केन्द्र की स्थापना की जाएगी जो राज्य के खूबसूरत हस्तशिल्प उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनके निर्यात के लिए बेहतर मंच प्रदान करेगा। केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने आज कुल्लू के अटल सदन में हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्णिम जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में सेवा व समर्पण अभियान के अंतर्गत हस्तशिल्प एवं हथकरघा कारीगरों के साथ एक संवाद कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए यह घोषणा की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। पीयूष गोयल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हस्तशिल्प की अपार संभावनाएं मौजूद है। उन्होंने कहा कि यदि इस केन्द्र के लिए पहले से तैयार कोई भवन उपलब्ध है तो इसका संचालन तुरन्त आरम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डिजाइनिंग, गुणवत्ता, पैकेजिंग तथा विपणन को आधुनिक बनाने पर और अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है ताकि बुनकरों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने उत्पादों के बढि़या दाम मिले। केन्द्रीय मंत्री ने प्रदेश के उत्पादों का बड़े शहरों के अलावा कपड़ा उद्योग से जुड़े लोगों तथा पांच सितारा होटलों में जिलावार प्रदर्शनियां आयोजित करने का सुझाव दिया ताकि इनकी ब्रैण्डिग राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो। उन्होंने बुनकरों से कहा कि वे अपना टेªडमार्क प्राप्त करें जिसके लिए केन्द्र सरकार ने पंजीकरण शुल्क 80 फीसदी कम कर दिया है। केन्द्र सरकार ने हस्तशिल्प वस्तुओं के प्रोत्साहन के लिए एक समिति का गठन भी किया है जो इनकी गुणवत्ता, डिजाईन व विपणन को बेहतर बनाने के सुझाव सरकार को देगी। उन्होंने इसी प्रकार की समिति हिमाचल प्रदेश में गठित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सौ फीसदी पात्र आबादी को कोरोना की पहली डोज प्रदान करने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि दूसरी डोज प्रदेश के 47 प्रतिशत लोगों को प्रदान की जा चुकी है और नवम्बर अंत तक सौ फीसदी आबादी को दोनों डोज देने के लिए भी प्रदेश देश का पहला राज्य बनेगा। प्रदेश के लिए बुनकर सेवा व डिजाईन रिसोर्स केन्द्र प्रदान करने की उनकी मांग को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ने पीयूष गोयल का आभार व्यक्त किया। इससे पहले, केन्द्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री के साथ अटल टनल, रोहतांग का दौरा किया। केन्द्रीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री ने बुनकरों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर हथकरघा व हस्तशिल्प पर एक लघु वृतचित्र भी दिखाया गया जिसमें जिला में इस क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख किया गया है।
लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीपाद श्रीराम ने लेह से मनाली तक 472 किमी सबसे तेज एकल साइकिलिंग अभियान में नया गिनीज रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने लेह से मनाली पहुंचने में रोहतांग दर्रे से होते हुए 34 घण्टे 32 मिनट का समय लगाया। उन्होंने अपने ही साथी लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पन्नू का रिकॉर्ड तोड़ा है। भरत पन्नू ने 35 घण्टे 32 मिनट का समय लगाकर रिकॉर्ड बनाया था। मनाली पहुंचने पर एसडीएम मनाली डॉक्टर सुरेंद्र ठाकुर और डीएसपी मनाली संजीव कुमार ने लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीपाद श्रीराम का मनाली पहुंचने पर स्वागत किया और समय दर्ज किया। लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीराम लेह से 25 सितंबर को सुबह चार बजे चले और 26 सितंबर 2021 को शाम लगभग सवा तीन बजे मनाली पहुंच गए।अपने अनुभव सांझा करते हुए लेफ्टिनेंट श्रीपाद श्रीराम ने बताया कि दर्रों में रात का समय सफर करना चुनोती था। उन्होंने बताया कि बारालाचा दर्रे में तापमान माईनस पर था लेकिन हिम्मत से काम करते हुए सफलता पाई। उन्होंने कहा कि मनाली लेह मार्ग हालांकि अधिकतर जगह चकाचक हो गया है लेकिन सरचू भरतपुर सिटी, व रोहतांग मढ़ी के बीच खराब सड़क के कारण समय अधिक लगा है। इससे पहले रिकॉर्ड बनाने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल भरत पन्नू को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि उनके मार्ग दर्शन में ही यह सफलता पाने में सफल रहा हु। इस दौरान मनाली एसडीएम व डीएसपी संजीव कुमार ने लेफ्टिनेंट श्रीपाद श्रीराम का स्वागत किया और रिकॉर्ड बनाने पर उन्हें बधाई दी।
जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो आतंकवादियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में एक बीजेपी नेता की हत्या का आरोपी भी शामिल है। मारे गए आतंकियों के पास के भारी मात्रा में गोला बारूद भी बरामद हुआ है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने उत्तरी कश्मीर में बांदीपुरा के वटनीरा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी की और तलाश अभियान चलाया था। उन्होंने बताया कि तलाश अभियान के दौरान तब मुठभेड़ शुरू हो गयी जब आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला बारुद समेत अन्य सामग्री बरामद हुई है और इलाके में तलाश अभियान अभी जारी है।
बस अड्डा सरवरी में शनिवार सुबह एचआरटीसी का बस चालक करंट लगने से झुलस गया है। बस को पीछे करते समय यह बिजली की तार से लग गई। इसके बाद चालक करंट लगने से काफी झुलस गया। चालक को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया है। तारों से बस के टायर में लगी आग को बुझाने के लिए दमकल की टीम भी मौके पर पहुंची। मिली जानकारी के अनुसार चालक नरेश कुमार सुबह करीब दस बजे अपनी बस को एक तरफ लगाने के लिए पीछे कर रहा था। इस बीच बस बिजली की तार से छू गई। जिसके बाद चालक को जोरदार झटका लगा। जिसके बाद यहां पर लोगों का जमावड़ा लग गया। घायल चालक नरेश कुमार को अन्य कर्मचारियों ने अस्पताल लाया। एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि चालक बिजली का करंट लगने से झुलसा है। एसपी गुरदेव शर्मा ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को शनिवार प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष मनी लांड्रिंग से जुड़े एक मामले में पेश होना था, लेकिन वो पूछताछ के लिए दिल्ली में हाजिर नहीं हुईं। यह लगातार दूसरी बार है, जब वो ईडी के नोटिस के बावजूद पूछताछ में शामिल नहीं हुई हैं। हालांकि जैकलीन किसी शूटिंग की व्यस्तता की वजह से दिल्ली नहीं आईं या कोई और वजह थी, इस पर अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। यह मामला तिहाड़ जेल में 200 करोड़ की रंगदारी से जुड़ा है। इसका मास्टरमाइंड सुकेश चंद्रशेखर तिहाड़ जेल के भीतर से पूरा रैकेट चला रहा था। बता दें कि सुकेश चंद्रशेखर को पुलिस ने इसी साल यानी कि 2021 में गिरफ्तार किया है। जहां सुकेश पर आरोप है कि उन्होंने जेल के अंदर ही बैठकर 200 करोड़ रुपए की वसूली का बड़ा रैकेट चलाया। सुकेश ने जेल से एक नामी बिजनेसमैन की पत्नी से 50 करोड़ की रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने जब इस केस को समझते हुए जेल में रेड किया तो सुकेश के सेल से उन्हें 2 मोबाइल फोन भी मिले थे। सुकेश चंद्रशेखर पर पहले भी ऐसे कई मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप लग चुके हैं. इसके पहले लीना के साथ मिलकर सुकेश ने 2013 में कैनेरा बैंक के साथ फ्रौड किया था। जिसके बाद इस जोड़ी को मुंबई पुलिस ने 2015 में फ्रौड के चक्कर में गिरफ्तार किया था।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी अमेरिकी दौरे पर हैं, जिसको देख केंद्र के तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे राकेश टिकैत ने ट्वीट करके कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने किसान आंदोलन पर बात करें। राकेश टिकैत ने अमेरिकी राष्ट्रपति के ट्विटर हैंडल को टैग करते हुए लिखा है, ‘’हम भारतीय किसान मोदी सरकार द्वारा लाए गए किन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। पिछले 11 महीनों के अंदर विरोध प्रदर्शन में 700 किसानों की मौत हो चुकी है। हमें बचाने के लिए इन काले कानूनों को निरस्त किया जाना चाहिए। कृपया पीएम मोदी से मिलते समय हमारी चिंता पर ध्यान दें’’ बता दें कि केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के किसान पिछले साल नवंबर से आंदोलन कर रहे हैं। पिछले 11 महीनों से किसान राजधानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं। सरकार के साथ किसान संगठनों की बातचीत विफल रही है, किसान हर हाल में तीनों कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं।
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले की जांच सीबीआई करेगी। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से सीबीआई जांच की सिफारिश किए जाने के बाद एक्टिव मोड पर आई सीबीआई ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। जानकारी के मुताबिक महंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले की जांच सीबीआई विशेष क्राइम यूनिट और छह सदस्यीय जांच टीम करेगी। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई मुख्यालय से जांच टीम प्रयागराज पहुंच चुकी है। सीबीआई की टीम अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में हत्या या आत्महत्या के बीच उलझी गुत्थी सुलझाएगी। यूपी पुलिस की एसआईटी टीम बाघंबरी गद्दी पहुंची है। महंत नरेंद्र गिरि की हत्या के मामले की जांच अब तक यूपी पुलिस कर रही थी। बताया जाता है कि 6 सितंबर को नरेंद्र गिरि ने पुलिस को शिकायत दी थी कि किसी ने उनके नाम पर ट्विटर अकाउंट बनाया है। नरेंद्र गिरि ने पुलिस से इस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की थी। इन सबके बीच प्रयागराज की एक अदालत ने पुलिस से नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में सभी अभियुक्तों को सुरक्षा देने के लिए कहा है। महंत नरेंद्र गिरि की हत्या के मामले में गिरफ्तार आनंद गिरि और आद्या तिवारी ने कोर्ट में याचिका दायर कर ये कहा था कि नैनी जेल में और जेल से पेशी के लिए कोर्ट ले जाते समय उनकी जान को खतरा है। कोर्ट ने इनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए जेल अधिकारियों को जेल में सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कोर्ट ने आरोपियों को वर्चुअली ही पेश करने के लिए भी कहा है। नरेंद्र गिरि ने 6 सितंबर को पुलिस से अपने नाम से फर्जी ट्विटर हैंडल को लेकर लिखित शिकायत की थी। इस शिकायत पर उन्होंने हस्ताक्षर भी किए थे। सुसाइड नोट पर भी उनके हस्ताक्षर हैं।
देश के नए राइजिंग स्टार पवनदीप राजन अब किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। इंडियन आइडल 12 में अपनी सिंगिग का कमाल दिखाकर सबका दिल जीतने वाले पवनदीप ने सिर्फ इंडियन आइडल की ट्रॉफी ही नहीं जीती बल्कि खूब पैसा भी कमाया है। उन्होंने साबित कर दिया है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। अपनी मेहनत के दम पर कुछ भी हासिल किया जा सकता है। खिताब जीतने के बाद भी पवनदीप अपने सफर को जारी रखे हुए हैं। उत्तराखंड से आने वाले पवन ने पहाड़ी गाने से सिंगिंग में डेब्यू कर लिया है। उनकी सुरीली आवाज में गाना लोगों को काफी पसंद आ रहा है। सिंगर होने के साथ-साथ पवन कई म्यूजिक यंत्र भी बजा सकते हैं, उनका ये हुनर इंडियन आइडल के मंच पर भी देखने को मिला। इंडियन आइडल की ट्रॉफी उठाने से पहले पवनदीप 'द वॉयस ऑफ इंडिया' के भी विनर रह चुके हैं। उनकी आवाज का रुहानीपन हर किसी के दिल में उतर जाता है। इनकी कुल संपत्ति की बात करें तो Yehaiindia वेबसाइट के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 7 करोड़ रुपए हैं। इसके अलावा वो कुछ लोकल ब्रांड भी एंडोर्स करते हैं जिससे उनकी अच्छी कमाई होती है।
पटनाः बिहार मद्य निषेध और उत्पाद नियमावली 2021 को राज्य सरकार की कैबिनेट ने बुधवार को स्वीकृति दे दी है। इसमें मद्य निषेध से जुड़े कई नियमों को स्पष्ट किया गया है। अब अगर किसी परिसर में शराब का निर्माण, भंडारण, बोतल बंदी, बिक्री या आयात-निर्यात होता है, तो वैसे पूरे परिसर को सीलबंद कर दिया जाएगा। हालांकि आवासीय परिसरों का चिह्नित भाग ही सीलबंद किया जाएगा न कि संपूर्ण परिसर या पूरा आवास सीलबंद होगा। छावनी क्षेत्र और मिलिट्री स्टेशन को शराब भंडारित करने की अनुमति होगी। छावनी क्षेत्र से बाहर किसी भी कार्यरत या सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी को शराब रखने या उपभोग करने की अनुमति नहीं होगी। अधिहरण का प्रस्ताव मिलने पर कलेक्टर सुनवाई का अवसर प्रदान करते हुए प्रभावी पक्षकार की उपस्थिति के 90 दिनों के अंदर अधिहरण का आदेश पारित करेंगे। आदेशानुसार प्रथम अपराध के लिए जमानत के लिए धारा 436 के प्रावधान लागू होंगे। कलक्टर के आदेश के विरुद्ध अपील दायर की जा सकेगी, जिस पर आयुक्त उत्पाद को 30 दिनों के अंदर आदेश पारित करना होगा। अपील एवं पुनरीक्षण का कार्यवाही में अपीलार्थी अथवा उसका अधिवक्ता सुनवाई की निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने की स्थिति में उपलब्ध अभिलेख के आधार पर पीठासीन पदाधिकारी द्वारा एकपक्षीय निर्णय लिया जाएगा। वहीं इथनॉल उत्पादित करने वाली अनाज आधारित डिस्टलरी की गतिविधि 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में संचालित होगी। मादक द्रव्य से लदे वाहनों को राज्य सीमा में घोषित चेकपोस्ट से ही आने-जाने की अनुमति होगी। ऐसे वाहनों को हर हाल में 24 घंटे के अंदर राज्य की सीमा से बाहर निकलना अनिवार्य होगा। निर्धारित रूट पर जैसे ही शराब लदी गाड़ी राज्य की सीमा में प्रवेश करेगी इसमें डिजिटल लॉक लग जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच बुधवार को कुल्लू की रघुपुर घाटी में बादल फटने से सड़कों और फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जिले के तीन गांवों के पैदल रास्ते टूट गए हैं। बादल फटने से क्षेत्र में मटर की फसल तबाह हो गई है। रास्ते टूटने से फनौटी पंचायत में 1000 सेब की पेटियां फंस गई हैं। वंही जिला में बुधवार को तीसरे दिन भी बारिश के साथ पहाड़ों में बर्फ के फाहे गिरे। बता दें कि प्रदेश भर में 22 सड़कों पर यातायात बंद रहा। 11 सड़कें सिरमौर, 5 मंडी, 3 कुल्लू, 2 शिमला और एक बिलासपुर जिले में बंद रही। प्रदेश में बुधवार को 41 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। इनमें 27 सिरमौर और 14 कुल्लू जिला में हैं। इसके अलावा बीस मकान और 10 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। राजधानी शिमला सहित कई जिलों में बुधवार को बादल छाए रहे। कुछ क्षेत्रों में बारिश भी हुई। हिमाचल में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 26 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने गुरुवार को शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान धुंध छाए रहने और भूस्खलन के आसार हैं। लोगों से नदी और नालों से दूर रहने की अपील की गई है।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने गत सायं नई दिल्ली में केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्य एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से भेंट की। उन्होंने प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में युवाओं और खेल से सम्बन्धित मामलों पर चर्चा की।सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में युवाओं के लिए सुविधाएं सृजित करना उनकी प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय मंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
सोने के दाम में पिछले कुछ दिनों से लगातार गिरावट हो रही थी हालांकि सोने के दाम में बुधवार को थोड़ी तेज़ी आई है और इसके दाम में इज़ाफ़ा हुआ है। हालाँकि, पिछले रेट्स की तुलना में सोने के दाम में 200 रुपये की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। बुधवार को भारत में 24 कैरेट सोने के दाम की कीमत 46,330 रुपये प्रति दस ग्राम दर्ज किए गए। एक तरफ सोने के रेट्स ऊपर की ओर बढ़ें हैं तो वहीं चांदी के भाव में कमी आई है। चांदी के रेट में मंगलवार के दाम से 200 रुपये की कमी आई है और यह 59,800 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई है। दुनिया में धातुओं के दूसरे सबसे बड़े ग्राहक भारत में उत्पाद शुल्क, राज्य करों और मेकिंग चार्ज के कारण सोने के गहनों की कीमत पूरे भारत में भिन्न होती है। पिछले तीन दिनों में चाँदी के दामों में 1,200 रुपये प्रति 10 ग्राम नीचे गिरा है। वहीं पिछले सत्र में चांदी 3.5 फीसदी कमी के साथ 2,150 रुपये लुढ़क गई है, वैश्विक बाजार में सोने की कीमत में कमी आने के बाद हाजिर सोने की कीमत 1,754.86 डॉलर प्रति औंस थी।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने हिमाचल हाईकोर्ट से दो जजों के तबादले की सिफारिश की है। वहीं, राजस्थान हाईकोर्ट में न्यायाधीश का तबादला हिमाचल हाईकोर्ट में किया है। हिमाचल हाईकोर्ट के न्यायाधीश सुरेश्वर ठाकुर व न्यायाधीश अनूप चिटकारा को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में स्थानांतरित करने की सिफारिश की गई है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने राजस्थान हाईकोर्ट में न्यायाधीश सबीना का तबादला हिमाचल हाईकोर्ट में करने की सिफारिश की है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट कोलेजियम ने इससे पूर्व इन्हें मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से हिमाचल हाईकोर्ट स्थानांतरित करने की सिफारिश की है। हिमाचल हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रवि मलिमठ को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने का फैसला भी लिया गया है।
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के नजदीक देवरचिक्कन्हल्ली के एक प्राइवेट अपार्टमेंट में मंगलवार को आग लगने की वजह से 2 लोगों की मौत हो गई है। आग लगने का कारण घरेलू गैस लीकेज बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यह घटना शाम 4 बजकर 35 मिनट से 4 बजकर 40 मिनट पर हुई और करीब 4 बजकर 55 मिनट पर दमकल की तीन गाड़ियां पहुंची। पूरे अपार्टमेंट कॉम्प्लैक्स को खाली करा लिया गया। फायर सर्विस के अधिकारियों ने कहा कि 42 वर्षीय महिला की झुलसने से मौत हो गई. इसके साथ ही, पांच अन्य लोग भी आग में घायल हुए हैं, जिनमें से गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल ले जाया गया है बता दें कि बेगलुरु के देवरचिक्कन्हल्ली के बेन्नरगट्टा रोड पर एक अपार्टमेंट में दोपहर बाद आग लग गई थी। आग की लपटें तीन फ्लैट्स में फैल चुकी थी, इस पर बाद में नियंत्रण पा लिया गया। लेकिन जिस वक्त वीडियो बनाया गया, बालकनी में फंसी हुई महिला को मदद करने का कोई प्रयास नहीं दिखा।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिये राष्ट्रीय लोकदल और शिवपाल यादव की पार्टी सहित कई छोटी पार्टियों के साथ सपा का गठबंधन होगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही कृषि क्षेत्र में लायें गये तीनों कानूनों को उत्तर प्रदेश में लागू नहीं किया जायेगा व इसके अलावा मंडी नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा।अखिलेश यादव ने कहा, आरएलडी और समाजवादी पार्टी का लोकसभा चुनाव में भी गठबंधन था। आने वाले विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियां साथ लडेंगी। इसके साथ-साथ और भी दल हैं जैसे महान दल हैं, संजय चौहान का दल हैं व और भी दलों से बातचीत हो रही है। वे भी सपा के साथ आयेंगे और हम सब मिलकर लडेंगे। सीटों के बारे में भी बातचीत हो गयी है लेकिन अभी उसका खुलासा नहीं करेंगे। सपा अध्यक्ष ने गठबंधन की रणनीति के बारे में कुछ भी खुलासा करने से इंकार कर दिया है। अखिलेश ने अपने चाचा शिवपाल यादव के साथ गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उनके साथ भी होगा। कुछ चीजें हम लोगों पर छोड़ दीजिये। आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के बारे में पूछने पर अखिलेश ने कहा कि उन्होंने 403 सीटों पर या कुछ एलान किया है। उन्होंने अपनी कुछ सूची भी जारी कर दी है.'' कांग्रेस पार्टी के साथ किसी गठबंधन के सवाल को उन्होंने टालते हुये कहा कि समाजवादी पार्टी केवल छोटे दलों के साथ गठबंधन कर आगामी विधानसभा चुनाव लडे़गी। 2022 का चुनाव प्रदेश को नयी सरकार मिलने का चुनाव होगा, साढ़े चार साल में यूपी ने देखा है कि किस तरीके से राज्य को पीछे ले जाया गया है।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शराब और बीयर का सेवन करने वाले लोगों को एक अक्टूबर से दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। राज्य सरकार की नई आबकारी नीति के तहत 1 अक्टूबर से निजी शराब की दुकानें बंद हो जाएंगी। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। हालांकि 17 नवंबर से दिल्ली में शराब की बिक्री फिर शुरू की जाएगी। केजरीवाल सरकार के आदेश के मुताबिक, एक अक्टूबर से 16 नवंबर के बीच प्राइवेट शराब की दुकानें बंद रहेंगी। ताकि नई आबकारी व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू किया जा सके। सरकार के इस फैसले के बाद निजी शराब की दुकानें अब शराब का नया स्टॉक नहीं मांग रही हैं। बचा हुआ स्टॉक भी अब तेजी से खत्म हो रहा है।
भुवनेश्वर: ओडिशा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हज़ार किलोग्राम से अधिक गांजे के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के साथ-साथ एक ट्रक को भी जब्त कर लिया है जिसके जरिए गांजे का खेप ले जाया जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली की ट्रक के जरिए गांजे का स्मगलिंग हो रहा है। जैसी सूचना मिली पुलिस की टीम ने नाकेबंदी कर गाड़ियों की सघन जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इस दौरान कोयले से लदे ट्रक की जांच की। जांच के दौरान पुलिस को कोयले के अंदर से बोरियों में भरा गांजा मिला। बरामद गांजे की कीमत करीब 2.25 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है और कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये खेप अवैध रूप से कहां भेजा जा रहा था और कौन इसे भेज रहा था व सम्गलिंग के केस में कौन-कौन लोग शामिल है। मलकानगिरी पुलिस के मुताबिक गांजे से भरे 94 पैकेट ट्रक के बीच कोयले के नीचे रखे गए थे। पुलिस ने ट्रक को ट्रक को चित्रकोंडा के नजदीक रोक कर चेकिंग की चेकिंग के दौरान ट्रक सवार लोगों को व्यहार थोड़ा अजीब लगा जिसके बाद ट्रक की पूरी पड़ताल की गई।
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग के अलर्ट के बीच भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। जिला सिरमौर की नाहन तहसील के एक गांव में सोमवार देर रात बादल फटने से पानी के तेज बहाव में जमीन बह गई हैं। भारी बारिश के चलते फसलें भी तबाह हो गई हैं। मनाली के पहाड़ों पर हल्की बर्फबारी से घाटी के मौसम में ठंडक बढ़ गई है। कुल्लू के बुरुआ गांव में नाले में बाढ़ आने से सेब के बगीचों को भारी नुकसान हुआ है। वंही प्रदेश के कई क्षेत्रों में सोमवार रात से लगातार बारिश जारी है। प्रदेश में भूस्खलन से छोटी-बड़ी दर्जनों सड़कें बंद हो गई हैं। खराब मौसम की वजह से सूबे में पानी और बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार को प्रदेश के मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा सहित कांगड़ा के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वंही प्रदेश में 26 सितंबर तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है।
ठियोग उपमंडल की क्यारटू पंचायत में एक 4 साल की बच्ची के साथ दुराचार का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची के साथ उसी के पड़ोस में रहने वाले एक 30 वर्षीय युवक ने यह दुष्कर्म किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्यारटू पंचायत में बच्ची के माता-पिता जो नेपाली मूल के हैं मेहनत मजदूरी का काम करते हैं और उन्हीं के पड़ोस में रहने वाले 30 वर्षीय युवक जोकि छपरा बिहार का बताया जा रहा है ने इस दुष्कर्म को अंजाम दिया है। बच्ची की माता की शिकायत के अनुसार ठियोग थाना में मामला दर्ज किया गया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि बच्ची अपने आंगन में खेल रही थी, उसी दौरान पड़ोस का युवक उसे बहला-फुसलाकर ले गया और इस घटना को अंजाम दिया। जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची का मेडिकल करवाया गया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीएसपी ठियोग लखबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।


















































