11 को नई दिल्ली में पीठासीन अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों की बैठक में भी लेंगे भाग हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 11 सितंबर को नई दिल्ली में लोकसभा सचिवालय के सीपीए सेल द्वारा आयोजित 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने वाले पीठासीन अधिकारियों तथा प्रतिनिधियों की बैठक में भाग लेंगे। ब्रीफिंग बैठक में विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष के सचिव प्रकाश ठाकुर भी भाग लेंगे। गौरतलब है कि 30 सितंबर से 6 अक्तूबर तक अफ्रिका महाद्वीप के घाना देश के अकरा में 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है इसमें कुलदीप सिंह पठानिया भी भाग लेंगे।
-हादसे में घायल 12 लोगों को ठियोग अस्पताल पहुंचाया -बस में 35 लोग थे सवार शिमला से चौपाल-नेरवा-थरोच रूट पर जाने वाली एचआरटीसी बस ठियोग के सैंज के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार बस में कुल 35 लोग सवार थे। हादसे में घायल हुए लगभग 12 लोगों को स्थानीय अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया है। बाकी सब सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
विहीप द्वारा संचालित श्री सत्यनारायण मंदिर में हुआ कार्यक्रम विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन उपलक्ष्य पर विहीप द्वारा संचालित ठाकुर श्री सत्यनारायण मंदिर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मेें सभी नगरवासियों ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विहीप जिला रामपुर के मिलन प्रमुख जोगिंदर शर्मा और बुशहर भजन मंडली रामपुर द्वारा बहुत ही मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इस उपलक्ष्य पर विहीप की स्थापना और विश्व भर में विश्व हिंदू परिषद और उसके सहायक संगठनों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी भी आम जनमानस को दी गई। कार्यक्रम के पश्चात रात्रि 12 बजे श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया।
हिमाचल के चंबा जिले में सिढ़कुंड माणी मार्ग पर बीती शाम बोलेरो गाड़ी खाई में गिरने से दादी-पोती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में ड्राइवर सहित आठ लोग घायल हुए हैं। मृतकों की पहचान सानवी (2) पुत्री यशपाल, मीमी देवी पत्नी रमेश और वीना पत्नी रोशन गांव राजपुरा (चंबा) के तौर पर हुई। गाड़ी गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचित किया। इसके बाद राहत व बचाव कार्य शुरू हुआ। देर शाम तक सभी को रेस्क्यू किया गया। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए लोग दवाट महादेव मंदिर के दर्शन के लिए गए थे। सभी आपस में रिश्तेदार हैं। यह हादसा मंदिर से वापस लौटते के बाद टरियू मोड़ के समीप हुआ। एक महिला टांडा की रेफर घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल महिला को टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। अन्य का चंबा में ही उपचार चल रहा है। विधायक नीरज नैयर भी अस्पताल पहुंचे सदर विधायक नीरज नैयर चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का कुशलक्षेम जाना। पुलिस के अनुसार हादसे में दो महिलाओं सहित एक बच्ची की मौत हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे में ये लोग हुए घायल घायलों में ममता पत्नी यशपाल, पूजा पत्नी सत्यानंद, मीनाक्षी पत्नी जीवन, अर्श पुत्र सत्यानंद, रूही पुत्री जीवन, दिव्यांश पुत्र जीवन, यशी पुत्री सत्यानंद और चालक जीवन पुत्र रमेश निवासी राजपुरा शामिल हैं।
केंद्र सरकार को भेजी 10 करोड़ रुपये की डीपीआर हिमाचल सरकार प्रदेश में तीन नए नर्सिंग कॉलेज खोलेगी। यह कॉलेज चंबा, हमीरपुर और जिला सिरमौर के नाहन में खोले जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने डीपीआर तैयार कर केंद्र को भेज दी है। तीनों नर्सिंग कॉलेज में आधारभूत ढांचा विकसित करने पर 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रति नर्सिंग संस्थान को 3 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि दी जानी है। वर्तमान में हिमाचल में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) और मंडी में दो ही सरकारी नर्सिंग कॉलेज हैं। जबकि नर्सिंग स्कूलों की संख्या 15 से ज्यादा है। प्रदेश सरकार ने नए खोले जाने वाले नर्सिंग कॉलेजों में 40-40 सीटें निर्धारित करने का फैसला लिया है। जैसे-जैसे आधारभूत ढांचा विकसित होगा। केंद्र सरकार से सीटें बढ़ाने की सिफारिश की जाएगी। हिमाचल में 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद बड़ी संख्या में छात्राएं नर्सिंग और मिडवाइफ के कोर्स कर रही हैं। निजी संस्थानों में नर्सिंग का कोर्स करने के लिए चार लाख रुपये से ज्यादा खर्च आता है। इसमें हॉस्टल, वर्दी व अन्य खर्चे भी शामिल हैं। हजारों की संख्या में छात्राएं यह कोर्स कर रही हैं। हालांकि सरकारी कॉलेजों फीस कम है। इसमें एक साल का खर्च करीब 70 हजार के पास रहता है। हिमाचल में नए नर्सिंग कॉलेज खुलने से कई और छात्राएं सरकारी संस्थानों में प्रशिक्षण हासिल कर सकेंगी। चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. सीता ठाकुर ने बताया कि हिमाचल में नए नर्सिंग कॉलेज खोलने के लिए 10 करोड़ रुपये की डीपीआर केंद्र को भेज दी गई है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में राजभवन में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक हुई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल भी इसमें विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में शिमला के निकट ढली में विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। राज्यपाल ने कहा कि सुंदरनगर स्थित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान (कन्या) की तर्ज पर ढली स्थित विशेष रूप से सक्षम बच्चों के संस्थान को सरकारी अधिग्रहण में लिए जाने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए ताकि यहां के शिक्षकों और स्टाफ को भी उचित सुविधाएं उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि गत दिवस उन्होंने इस संस्थान का दौरा किया और उन्हें यहां की विस्तृत जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि यहां अध्ययनरत बच्चों के लिए पर्याप्त स्टाफ की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विशेष रूप से सक्षम बच्चों का यह एकमात्र संस्थान है और यहां की विशेष आवश्यकताएं हैं। उन्होंने कहा कि अन्य आश्रमों में अपनाई जा रही पद्धति की तुलना इस संस्थान से नहीं की जा सकती। इनके प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिग्रहण में आने से यह संस्थान और सुदृढ़ होगा। इस अवसर पर डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि बाल विकास परिषद द्वारा बच्चों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं और विभाग के अधिकारियों द्वारा यहां नियमित रूप से निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर और ढली संस्थान की समस्याओं को दूर करने के प्रयास किए जाएंगे।
उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निरंतर प्रयासों के बाद केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए औद्योगिक विकास योजना (आईडीएस) के वित्तीय परिव्यय में पर्याप्त वृद्धि करने को स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि इस वृद्धि से राज्य के उन उद्यमों को बड़ी राहत मिलेगी जिन्हें औद्योगिक विकास योजना के तहत उद्योग स्थापित करने के बाद सब्सिडी नहीं मिली थी। पूर्व अधिसूचित आईडीएस के अनुसार पहले 131 करोड़ रुपये का वित्तीय परिव्यय अनुमोदित किया गया था, जो लंबित देनदारियों को चुकाने के लिए अपर्याप्त था। इसके परिणामस्वरूप पात्र औद्योगिक इकाइयों के लिए सब्सिडी वितरण में देरी हो रही थी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के अथक प्रयासों के बाद यह मामला केंद्रीय मंत्रिमंडल के समक्ष लाया गया और केंद्र सरकार ने अब हिमाचल और उत्तराखंड के लिए आईडीएस योजना तहत 1164.53 करोड़ रुपये के परिव्यय को मंजूरी प्रदान की है। उन्होंने कहा कि संशोधित आईडीएस योजना के तहत हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में विनिर्माण कार्योंं, जैव-प्रौद्योगिकी और जल विद्युत उत्पादन (10 मेगावॉट क्षमता) की इकाइयों को लाभ होगा। उद्योग मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में कहीं भी निर्माण और सेवा क्षेत्र में पर्याप्त विस्तार करने वाली सभी पात्र नई औद्योगिक इकाइयों और मौजूदा औद्योगिक इकाइयों को 5.00 करोड़ रुपये की ऊपरी सीमा के साथ संयंत्र और मशीनरी में निवेश के लिए क्रेडिट तक पहुंच के दृष्टिगत 30 प्रतिशत केंद्रीय पूंजी निवेश प्रोत्साहन (सीसीआईआईएसी) प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में सभी पात्र नई औद्योगिक इकाइयों और मौजूदा औद्योगिक इकाइयों को वाणिज्यिक उत्पादन-संचालन शुरू होने की तिथि से अधिकतम 5 वर्ष की अवधि के लिए भवन और संयंत्र और मशीनरी के बीमा पर 100 प्रतिशत बीमा प्रीमियम की प्रतिपूर्ति के लिए पात्र होंगे। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि इस बढ़े हुए परिव्यय से हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक क्षेत्र का विकास होगा और राज्य सरकार, भारत सरकार के साथ लंबित मामलों के पूर्व-पंजीकरण को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाएगी और योग्य इकाइयों को शीघ्र धन जारी करना सुनिश्चित करेगी। उद्योग मंत्री ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर सृजित करने और क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया।
कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर किया भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिला मुख्यालयों में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने इस सम्मेलन में भाग लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उल्लेख करते हुए देश मे पार्टी को विघटनकारी ताकतों के खिलाफ उनकी इस आवाज को बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा आज जिस प्रकार संविधान से छेड़छाड़ कर देश का नाम बदलने तक का प्रयास कर रही है उसके विरुद्ध देश के लोगों को जागरूक करने के लिए राहुल गांधी की आवाज को बुलंद करना होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देश में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, आपसी भाईचारे को बढ़वा देने, विभाजनकारी राजनीति व राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर गत वर्ष 7 सितंबर 2022 को देश में भारत जोड़ो यात्रा को शुरू किया था। उन्होंने इस दौरान 4080 किलोमीटर, 12 राज्यों, 2 केंद्र शासित राज्यों,देश के 75 जिलों व 76 लोकसभा क्षेत्रों से होकर 130 दिनों तक यह पदयात्रा की थी। प्रतिभा सिंह ने केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि देश आज गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा है। लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं को एकजुट होकर राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने का आग्रह करते हुए कहा कि देश को कांग्रेस से बड़ी उम्मीदें है,जिन्हें उन्हें हर हाल में पूरा करना है। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ धनी राम शांडिल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अपना इतिहास है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने राष्ट्र की एकता व अखंडता को कायम रखने के लिए कुर्बानियां दी है। उन्होने कहा कि आज देश में लोकतंत्र खतरे में है। धर्म, जाती, क्षेत्रवाद के नाम पर लोगों को आपस मे लड़ाया जा रहा है। ऐसे समय मे भारत जोड़ो यात्रा कार्यक्रम बहुत ही सराहनीय कदम रहा है। हम सब को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़चढ़ कर आगे आना चाहिए। इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवम शिमला जिला के कार्यक्रम कॉर्डिनेटर केहर सिंह खाची ने सम्मेलन का संचालन करते हुए भात जोडो यात्रा कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए आये हुए कांग्रेसजनों का अभिनंदन किया। इस सम्मेलन में मुख संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंदर चौहान, उप महापौर उमा कौशल, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चिरन्जी लाल कश्यप, विनीत गौतम, आनंद कौशल, महासचिव अमित पाल सिंह, यशपाल तनाईक, अनिता वर्मा, जिला शिमला शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, किसान कांग्रेस अध्यक्ष सोहन वर्मा, प्रदेश कांग्रेस सचिव इंद्रजीत सिंह, प्रदीप वर्मा, ऊषा मेहता, जितेंद्र ठाकुर, सुरेश नागटा, भूपेंदर कंवर, गीतांजलि भागडा, ब्लॉक अध्यक्ष रोहड़ू करतार सिंह कुल्ला, कसुम्पटी के अध्यक्ष रामकृष्ण शांडिल, शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व उपमहापौर शशिशेखर चिन्नू, नगर निगम शिमला के सभी पार्षदगण, जिला परिषद सदस्य संतोष शर्मा सहित बनिता वर्मा, एस के सहगल, मेला राम शर्मा, सत्या वर्मा, कमलेश ठाकुर, इंदु राज, रुमा शर्मा, ब्रिंदा सिंह, वीर सिंह, नरेश, शेर कुमार, वीरेंदर जसवाल, बलदेव ठाकुर, संजीव शर्मा, बंसी ठाकुर, दिवाकर देव शर्मा, निर्मला वर्मा, कृष्णा जरियाल, दिक्सित जोक्ता, दलीप धीमान सुरेंदर देष्टा, कंवर रविंदर सिंह एवं कांग्रेस नेता, पदाधिकारीगण, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एन एस यू आई, अनुसूचित जाति विभाग, किसान कांग्रेस के पदाधिकारियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस सम्मेलन में भाग लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह 8 सितंबर से तीन दिवसीय दौरे पर रामपुर, आनी व करसोग विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान प्रतिभा सिंह इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में भारी बारिश व भूस्खलन से प्रभाभित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष के राजनैतिक सचिव कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह ने बताया कि प्रतिभा सिंह कल दोपहर बाद 2 बजे शिमला से रामपुर के लिए रवाना होगी। 9 सितंबर को प्रतिभा सिंह पोखरी व आनी में भूस्खलन प्रभाभित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। तत्पश्चात ग्राम पंचायत मोनोला नरेश और कलाशन मै भूस्खलन प्रभाभित क्षेत्रों का दौरा करेंगी। इस दिन रात्रि विश्राम चिन्डी विश्राम गृह रहेगा। 10 सितंबर को प्रतिभा सिंह करसोग विधानसभा क्षेत्र के पानी पठार व सेरी कटिण्डा,माहूंनाग व गवालपुर के भूस्खलन क्षेत्रो का दौरा करेंगी व प्रभावित लोगों से मिलेगी। उसके पश्चात शिमला लौट आएगी।
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं शिमला शहरी प्रभारी बृज भूषण बांश्टू और शिवम राणा ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी के विरोध में, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने, विभाजनकारी राजनीति व राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर गत वर्ष 7 सितंबर को देश में भारत जोड़ो यात्रा को शरू किया था। शिवम राणा ने कहा कि इस दौरान उन्होंने 4080 किलोमीटर की पैदल यात्रा, 12 राज्यों, 2 केंद्र शासित राज्यों, देश के 75 जिलों व 76 लोकसभा क्षेत्रों से होकर 130 दोनों तक वह यात्रा की थी। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ने आज भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर शेरे पंजाब के नजदीक मुहब्बत की दुकान खोलकर मजदूरों, राहगीरों व छोटे बच्चों को फल भी वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव बृज भूषण बांश्टू, शिवम राणा, विशाल नेगी, तरुण ब्राक्टा, विजय ठाकुर व हेम राज ठाकुर, शिमला शहरी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष संदीप चौहान, प्रदेश सचिव दलीप चौहान, सुपर शी जिला कुल्लू की संयोजक आंवला कश्यप,शिमला शहरी के पदाधिकारी रमन चौहान, गौरव खाची, अंकित शर्मा, मोहित शेखरी, रोहित कश्यप, उमित भारद्वाज, हितेष कुमार,सार्थक कोमल, लक्ष्य टैंक व अन्य युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
टीएचडीसीआईएल ने 4 सितंबर को अपने सम्मानित व्यवस्थापकों और निवेशकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें कंपनी के द्वारा इमीनेंट बांड जारी करने की तैयारी में पारदर्शिता और सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता जारी की गई। बैठक के दौरान कंपनी ने अपनी विकास संभावनाओं और वित्तीय स्थिति का व्यापक प्रस्तुतीकरण किया। इस बैठक के माध्यम से कंपनी के मूल्यवान व्यवस्थापकों और निवेशकों के साथ सार्थक बातचीत में शामिल होने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया गया, जिससे कंपनी की रणनीतिक दिशा की गहरी समझ को बढ़ावा मिला। इस बैठक में मुख्य सत्र जे बेहेरा, निदेशक (वित्त) के नेतत्ृव में टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड टीम का व्यापक एवं उपयोगी विचार-विमर्श रहा। बेहेरा ने अपने संबोधन से टीएचडीसीआईएल की विस्तार रणनीतियों और क्रेडिट रेटिंग से संबंधित अनेक प्रश्नों का उत्तर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बातचीत कंपनी के बारे में अपने हितधारकों को पूर्ण रूप से संसूचित करने एवं कंपनी की वित्तीय रणनीतियों में उनके विश्वास को प्रोत्साहित करने की हमारी प्रतिबद्धता का उदाहरण प्रस्तुत करती है। बेहेरा ने बताया कि हमारी आगामी परियोजनाओं के चालू होने से कंपनी की क्रेडिट रेटिंग में उल्लखेनीय वृद्धि होने की आशा है। यह विकास हमारी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और हमारे निवेशकों को बेहतर मूल्य प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। इन चर्चाओं के अलावा, बैठक में आगामी बांड बोली प्रक्रिया के लिए शीघ्र तिथि निश्चित करने पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। यह बैठक उत्पादनपरक बातचीत को बढ़ावा देने और कंपनी के वित्तीय दृष्टिकोण स्पष्टता जाहिर करने के लिए हमारे सक्रिय दृष्टिकोण र्का प्रतीक है। वहीं, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने बैठक की उपयोगिता पर बल देते हुए कहा कि अपनी कमीशन की गई परियोजनाओं के उत्कृष्ट अनुरक्षण के साथ-साथ विद्युत परियोजना का विकास हमारी मुख्य शर्त है।
पूर्व उद्योग मंत्री व भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर ने केंद्र द्वारा हिमाचल व उत्तराखंड को मिले औद्योगिक विकास योजना 2017 के अंतर्गत 1163.54 करोड़ रु स्वीकृत किए जाने पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया और कहा कि जहां केंद्र सरकार समय-समय पर हिमाचल के विकास के लिए कार्य कर रही हैं वहीं हिमाचल की सुखु सरकार आपदा में जनता की कमर तोड़ने वाले निर्णय ले रही है। बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार जब से सत्ता में आई है तब से निरंतर हिमाचल वासियों पर महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले कल ही अखबार के माध्यम से सीमेंट बैग पर 15 रुपए बढ़ाए जाने कि खबर प्रकाशित हुई हैं, जो कि एक अन्याय पूर्ण फैसला है। जहां प्रदेश में लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए, सड़कें, डंगे टूट गए उनको रिस्टोर करने में जहाँ सीमेंट की आवश्यकता पड़ेगी ऐसे में उसके मूल्य को बढ़ाना कहाँ तक तर्कसंगत हैं। उन्होंने कहा उचित मूल्य की दुकान (डिपु )से बीपीएल व एपीएल लोग राशन लेते हैं जिनकी इस आपदा के कारण पहले ही स्थिति खराब हो चुकी हैं। ऐसे में राशन के दामों में बढ़ोतरी करना कितना न्यायोचित है। उन्होंने कहा सस्ते राशन के डिपुओं में दालें महंगी हो गई हैं। 2 माह बाद डिपुओं में पहुंची दालों के दामों में अंतर आया है। एनएफएस यानी बीपीएल व एपीएल उपभोक्ता के लिए माह की दाल में सीधे 5 रुपए की बढ़ौतरी हुई है, वहीं मलका की दाल में एक रुपए का अंतर आया है। सितम्बर महीने में बी.पी.एल. व एनएफएस उपभोक्ताओं को माह की दाल 63 रुपए में मिलेगी, वहीं एपीएल उपभोक्ताओं को 73 और एपीएलटी उपभोक्ताओं को 98 रुपए में मिलेगी। इसी तरह बीपीएल व एनएफएस उपभोक्ताओं को मलका की दाल 54 रुपए मिलेगी। एपीएल उपभोक्ताओं को 64 और एपीएलटी उपभोक्ताओं को 89 रुपए में मिलेगी। इससे पहले अगस्त माह में प्रदेश के अधिकतर डिपुओं में दालें नहीं पहुंच पाई थीं। डिपुओं में इस बार दाल चना 16 रुपए अधिक महंगी होगी। आपदा के समय दालों में जो मूल्यांवृद्धि हुई हैं जोकि हिमाचल की जनता के साथ धोखा है। इस बढ़ोतरी को भी सरकार को तुरंत प्रभाव से वापस लेना चाहिए।
स्नान के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचे श्रद्धालु भारत की पवित्र एवं पावन मणिमहेश यात्रा आज से शुरू हो गई है। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आज डल झील में शाही स्नान किया। दोपहर बाद 4:15 तक शाही स्नान का शुभ मुहूर्त था। इस यात्रा के लिए श्रद्धालुओं के जत्थे चंबा के भरमौर से मणिमहेश को रवाना हो गए हैं। आज से शुरू हुई मणिमहेश यात्रा 23 सितंबर तक चलेगी। इस यात्रा के लिए देशभर व नेपाल से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं और डल झील में डुबकी लगाते हैं। इस बार यह यात्रा ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात के बीच हो रही है। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान ठंड का सामना करना पड़ेगा। जन्माष्टमी पर हुई शुरुआत मणिमहेश मंदिर के पुजारी पंडित विपिन शर्मा के मुताबिक इस बार जन्माष्टमी का छोटा न्हौण 6 सितंबर दोपहर 3:38 बजे शुरू हुआ, जो 7 सितंबर शाम 4:15 बजे तक रहा। छोटे न्हौण के बाद मणिमहेश यात्रा शुरू हो गई है। राधाष्टमी का बड़ा स्नान 22 सितंबर को दोपहर बाद 1:36 बजे शुरू होगा और 23 सितंबर दोपहर 12:18 बजे तक चलेगा। स्ष्ठरू एवं मणिमहेश न्यास सचिव कुलवीर सिंह राणा ने यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे अपना पंजीकरण जरूर करवाएं और प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करें। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के यह जरूरी है।
प्रदेश में 4700 प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती का फैसला 14 सितंबर को प्रस्तावित कैबिनेट बैठक में हो सकता है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संदर्भ में प्रस्ताव बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। वाईएस परमार ऋण योजना और राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल योजना को लेकर भी शिक्षा मंत्री ने अपडेट लिया। नए शिक्षा सचिव राकेश कंवर समेत विशेष सचिव पंकज रॉय और शिक्षा निदेशकों डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा व घनश्याम चंद के साथ मंत्री रोहित ठाकुर ने सचिवालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान शिक्षा विभाग से जुड़े मामलों की जानकारी समय रहते एकत्र करने को भी कहा। 14 सितंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में शिक्षा विभाग से संबंधित जाने वाले प्रस्तावों को जल्द तैयार करने को कहा गया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती को लेकर सरकार पूरी तरह से गंभीर है। केंद्र सरकार सहित एनसीटीई से भी इस भर्ती को लेकर जानकारियां जुटाई है। पड़ोसी राज्यों में हुई प्री प्राइमरी शिक्षकों की भर्ती का ब्योरा भी एकत्र किया गया है। अब कैबिनेट को भर्ती से संबंधित विकल्पों की जानकारी दी जाएगी। शिक्षा मंत्री ने आर्थिक तौर पर कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए शुरू की जाने वाली डॉ. वाईएस परमार ऋण योजना की समीक्षा भी की। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण में भी तेजी लाने को कहा।
हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार फिर अटक गया है। विधानसभा के इस मानसून सत्र में भी मंत्रियों के तीन पद खाली रहने वाले हैं। अब विधानसभा के शीत सत्र तक ही नए मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के अलावा आठ मंत्री हैं। सीएम सहित मंत्रिमंडल में कुल 12 सदस्य हो सकते हैं। सुक्खू मंत्रिमंडल में विस्तार के बारे में पिछले कई महीनों से पहेलियां चल रही हैं। Trending Videos सुक्खू जब-जब दिल्ली जाते हैं, तब-तब यह चर्चा छिड़ती रही है कि कभी भी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।हालांकि, मुख्यमंत्री सुक्खू इस बारे में अभी पत्ते नहीं खोल रहे हैं। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद भी एकदम से मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं किया। सबसे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने 11 दिसंबर को शपथ ली। उसके बाद करीब एक माह के सस्पेंस के बाद आठ जनवरी को सात मंत्रियों धनीराम शांडिल, चंद्र कुमार, हर्षवर्धन चौहान, जगत सिंह नेगी, रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह और विक्रमादित्य सिंह को शपथ दिलाई गई। इन मंत्रियों के शपथ लेने के बाद अभी तक तीन मंत्रियों के पद खाली रखे गए हैं। अनेक बार इसकी चर्चा हुई है कि बिलासपुर जिले के घुमारवीं से राजेश धर्माणी को मंत्री बनाया जा सकता है। इनके अलावा कांगड़ा जिले से भी दो और मंत्री बनाए जाने की चर्चा होती रही है। पर अभी तक कोई निर्णय नहीं हो सका है। पहले माना जा रहा था कि मानसून सत्र से पहले तीन और मंत्री हिमाचल प्रदेश को मिल जाएंगे, मगर अब ऐसा लग रहा है कि मामला फिर आगे सरक गया है। अब शीत सत्र से पहले या फिर लोकसभा चुनाव से पहले राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की संभावना है। अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें
नाले में सेब फेंकने के मामले में हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने रोहड़ू के बलासन निवासी बागवान यशवंत को एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। बोर्ड के अनुसार 30 जुलाई को नाले में सेब फेंकने का मामला प्रकाश में आया था। इसमें कुछ लोग नाले में सेब फेंकते हुए पाए गए। इस संबंध में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से बागवान को 10 और 24 अगस्त, 2023 को नोटिस भी जारी किए। लेकिन बागवान की ओर से बोर्ड के नोटिस का जवाब न देने पर प्रदूषण नियंत्रण एक्ट और एनजीटी के आदेशों की अवहेलना करने पर यह कार्रवाई की गई है। पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में यह जुर्माना लगाया गया है।
हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रदेश के शक्तिपीठों श्रीनयना देवी, चिंतपूर्णी, ज्वालाजी, बज्रेश्वरी और चामुंडा मंदिर के लिए 15 फीसदी कम किराये पर बसें चलाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इस पहले पायलट प्रोजेक्ट पर चलाया जाएगा। परिणाम सही रहे तो शक्तिपीठों के लिए रूट भी तय होंगे। बसों में सवारियां पूरी होनी चाहिए। सचिवालय में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि 15 साल पुरानी 114 सरकारी गाड़ियों की आरसी खत्म कर दी गई है। निजी वाहनों पर अभी फैसला नहीं लिया गया है। अग्निहोत्री ने कहा कि परिवहन निगम के 7,300 कर्मचारियों व अधिकारियों को पुरानी पेंशन योजना में शामिल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी बसों के भीतर और बाहर भी विज्ञापन लगेंगे। उन्होंने कहा कि लोग अब घर बैठे ऑनलाइन लाइसेंस बनवा सकेंगे। इंटरनेशनल लाइसेंस बनाने की शक्तियां निदेशालय के अलावा अब आरटीओ और एसडीएम को भी दी गई हैं। लोग वीजा और पासपोर्ट दिखाकर लाइसेंस बनवा सकेंगे। हिमाचल में बिना टैक्स आने वाली बसों पर जुर्माना लगेगा। एक दिन का पांच हजार, सप्ताह का 25 हजार और महीने के 75 हजार रुपये वसूले जाएंगे। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला के लिए मजदूरों को लेकर बाहरी राज्यों से बसें आती हैं। इनका एक महीने तक चालान नहीं होगा। इन पर टैक्स लगाने के लिए उद्योग, परिवहन और ट्रांसपोर्टरों की बैठक होनी है। 1100 नंबर के साथ जुड़ा निगम का हेल्पलाइन उपमुख्यमंत्री ने कहा कि निगम का हेल्पलाइन नंबर सीएम हेल्पलाइन नंबर 1100 के साथ जोड़ दिया है। किसी भी क्षेत्र में बसें नहीं आती हैं, बस खराब हो गई या बसें चलाने की जरूरत है या परिवहन निगम से शिकायत व सुझाव देने हैं, तो इस नंबर पर दे सकेंगे। राज्य से बाहर के लिए टोल नंबर 1800-180-8185 नंबर जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग ने इस साल 775 करोड़ रुपये कमाई का लक्ष्य रखा था। इसे बढ़ाकर एक हजार करोड़ किया गया है। व्यापारी बसों में भेजते है सामान, इसलिए टिकट किया अनिवार्य व्यापारी बसों में सामान भेजते हैं। कभी चालकों व परिचालकों के पास लिफाफा पकड़ा देते हैं तो कभी किसी के पास सामान भेज देते हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सवारियों पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा। जो व्यापारी बसों में सामान भेजते हैं, उनका सामान लाने और ले जाने का टिकट लगेगा। सड़क सुरक्षा को लेकर करोड़ों की राशि आवंटित सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न विभागों को करोड़ों की राशि आवंटित की गई है। सड़क सुरक्षा की जानकारी देने के लिए प्रति कॉलेज को 30-30 हजार, प्रति सीनियर स्कूलों के लिए 10 हजार, स्वास्थ्य विभाग को कार्यशाला लगाने के लिए 12 लाख, पुलिस विभाग को 8 करोड़ 40 लाख, लोक निर्माण विभाग को ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने के लिए 9 करोड़ और एचआरटीसी को पांच क्रेन खरीदने के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपये दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सुलह विधानसभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित बच्छवाई गांव का किया दौरा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला में सुलह विधानसभा क्षेत्र के तहत बच्छवाई और परमार नगर में भारी बारिश से हुई क्षति का जायजा लिया। बच्छवाई में भूमि धंसने के कारण नौ परिवार प्रभावित हुए हैं और कृषि भूमि और संपर्क मार्ग को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों और राहत शिविर में शरण लेने वालों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने जिला प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सुविधा प्रदान की जाए। उन्होंने प्रत्येक प्रभावित परिवार को छह मरला भूमि आवंटित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के पुनर्वास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुलह में परमार नगर का दौरा भी किया। इस क्षेत्र में आपदा से 19 परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने प्रभावित परिवारों को 6-6 मरला भूमि प्रदान करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल और आशीष बुटेल, विधायक यादविंद्र गोमा, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी ग्रामीण एवं कृषि विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान, पूर्व विधायक जगजीवन पाल, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल और अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कहा- भारत के नाम से घमंडिया विपक्ष की आपत्ति औचित्यहीन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इंडिया की जगह भारत लिखने पर घमंडिया विपक्ष के द्वारा अनावश्यक शोर-शराबा करने पर विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष मुद्दा विहीन है औरऔचित्यहीन बातें कर रहा है। विपक्ष के लोग सिफ़र् हर काम के लिए सरकार की आलोचना कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करने में घमंडिया गठबंधन देश की जन भावना का भी सम्मान नहीं कर रही है। भारत हमारे देश का आदिकाल से नाम है। हज़ारों वर्षों की परंपरा में इसका स्पष्ट उल्लेख मिलता है। नेता प्रतिपक्ष ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह बात कही। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमारे देश का नाम भारत था। हमारे देश का नाम हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, हमारी विरासत का अभिन्न हिस्सा है। भारत सरकार द्वारा 'इंडियाÓ की जगह 'भारतÓ लिखने पर घमण्डिया गठबंधन का विरोध औचित्यविहीन और तर्कहीन हैं। उन्होंने कहा सरकार का यह कदम स्वागत योग्य है। यह हर्ष का विषय है। देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसी मांगे पहले से उठ रही थी। जिस पर सरकार ने कदम आगे बढ़ाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा पिछले नौ सालों में विकास के ऐतिहासिक काम किए हैं। पारदर्शिता के साथ भ्रष्टाचार रहित सरकार चलाकार देश को आज दुनिया की अग्रणी देशों में भारत को स्थापित किया है। इसलिए विपक्ष के पास सरकार के विरुद्ध आवाज़ उठाने का एक भी मुद्दा नहीं है। इसीलिए एक दूसरे को फूटी आंखों ने सुहाने वाले नेताओं के साथ मिलकर सिफ़र् नरेंद्र मोदी के विरोध की राजनीति की जा रही है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश के लोग सब जानते हैं। आने वाले लोकसभा के चुनावों में देश के लोग घमंडिया गठबंधन को जवाब देंगे। एनडीए गठबंधन, पिछली बार से भी ज़्यादा सीटों के साथ प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को दुनियां की तीन बड़ी अर्थव्यस्था में स्थापित करेगा।
राजकीय महाविद्यालय संजौली में 5 सितंबर को मेजर ध्यानचंद जयंती मनाई गयी। 29 सितंबर को मनाई जाने वाली इस जयंती का आयोजन 5 सितंबर को हिमाचल प्राकृतिक आपदा के कारण हुआ। इसमें शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा महाविद्यालय के प्रांगण में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की शुरुआत महाविद्यालय की प्राचार्य भारती भागड़ा के आगमन के साथ हुआ। इस प्रतियोगिता में बीए प्रथम, द्वितीय, तृतीय वर्ष के छात्र छात्राओं में प्रतिस्पर्धा करवाई गई। महाविद्यालय के प्रांगण में बैठे सभी विद्यार्थियों ने इन प्रतियोगिताओं का आनंद लिया। सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में बीए तृतीय वर्ष के छात्र तथा महिला वर्ग में बीए द्वितीय वर्ष की छात्राएं विजय रही। प्रतियोगिता का सबसे मनोरंजनवर्धक पल महाविद्यालय के शिक्षकों का वॉलीबॉल का मैच रहा, जिसमें पुरुष व महिलाओं दोनों ने भाग लिया महाविद्यालय के शिक्षकों की दो टीमे बनाई गयी। शिक्षकों का मैच काफी रोमांचक रहा। प्राचार्य ने शारीरिक शिक्षा विभाग की सराहना करते करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन मनोरंजन के साथ साथ तनाव मुक्ति व शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देते हैं। महाविद्यालय में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का होना हर्ष का विषय है।
राजकीय माध्यमिक विद्यालय चंद्रौण को उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिला में जयसिंहपुर और सुलह विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया और राहत तथा पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के नेत्रु गांव में प्रभावित परिवारों से बातचीत की। नेत्रु गांव में भारी बारिश के कारण कई मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने इन परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने देहरू और कोसरी गांव में पहाड़ी में दरार आने के कारण हुए नुकसान का जायजा भी लिया और जिला प्रशासन को प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित हुए परिवारों के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय माध्यमिक विद्यालय चन्द्रौण में डंगा ढहने से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा इसकी मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने इस विद्यालय को अगले शैक्षणिक सत्र से उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी की। उन्होंने सियारा कुडाणा में भारी बारिश और भू-स्खलन के कारण हुए नुकसान का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सभी उपायुक्तों को ग्राम पंचायतों में वार्ड आधार पर आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रभावित बढ़ी हुई मुआवजा राशि प्राप्त करने के लिए पात्र होंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावितों के लिए विशेष राहत पैकेज तैयार किया है। इसमें प्रभावितों को प्रदान की जाने वाली मुआवजा राशि को बढ़ाया गया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि उन्हें प्रदेश सरकार द्वारा हरसंभव मदद प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में पक्के मकान के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने पर 12,500 रुपये और कच्चे मकान के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त होने के 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती थी। प्रदेश सरकार ने इस भीषण त्रासदी के दृष्टिगत इस राशि को बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। मुख्यमंत्री ने न्यूगल खड्ड में भारी बाढ़ के कारण पपरोला पुल को हुए नुकसान का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर लोक निर्माण विभाग को इस स्थान पर नया पुल बनाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली, विधायक यादविंद्र गोमा, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी ग्रामीण एवं कृषि विकास बैंक के अध्यक्ष संजय सिंह चौहान, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रदेश व देशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई व शुभकामनायें दी हैं। अपने संदेश में कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी देश तथा प्रदेशवासियों के लिए एक महापर्व है, जिसे लोग बड़े हर्षोउल्लास, श्रद्वाभाव तथा आस्था से मनाते हैं। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी का यह पर्व श्रावण मास के कृष्ण पक्ष के 8वें दिन मनाया जाता है तथा यह पूरे भारतवर्ष में हिंदुओं के लिए भक्ति, एकता तथा आघ्यात्मिक ज्ञान का प्रतीक है। यह उत्सव हिंदुओं के लिए बहुत खुशी का स्त्रोत है, जिसमें जीवंत उत्सव और सार्थक परंपराएं शाामिल हैं। इस अवसर पर पठानिया ने सभी के सुखद तथा समृद्व जीवन की कामन करते हुए भगवान कृष्ण द्वारा स्थपित आदर्शों तथा उत्कृष्ट परंपराओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया है।
कृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर चमकने वाले अर्ध चंद्रमा का एक सुंदर अभिप्राय है कि यह वास्तविकता के व्यक्त और अव्यक्त दोनों आयामों, दृश्य भौतिक क्षेत्र और अदृश्य आध्यात्मिक क्षेत्र के मध्य सही संतुलन का प्रतिनिधित्व करता है, जो भगवान कृष्ण के दोनों लोकों के स्वामित्व को दर्शाता है। हम जिस युग में रह रहे हैं उसके लिए उनकी शिक्षाएं अद्वितीय और अति प्रासंगिक हैं। वे न तो आपको भौतिक गतिविधियों में डूबने देती हैं और न ही आपको पूरी तरह से उदासीनता की ओर ले जाती हैं। जब हम यह उत्सव मनाते हैं, तो हम प्रकृति में बिल्कुल विपरीत लेकिन पूरक गुणों को आत्मसात करते हैं और उन्हें प्रकट करते हैं। यह एक ऐसा कौशल है जो हमें उस कमल की तरह बनाता है जो कीचड़ में उगता तो है फिर भी जिसकी पत्तियां शुद्ध और कीचड़ से अछूती रहती हैं। कृष्ण का अर्थ है, वह जो सबसे मोहक और आकर्षक है, अर्थात स्वयं आत्मा। राधे-श्याम, व्यक्ति के अनंत से मिलन का प्रतिनिधित्व करते हैं। प्रत्येक प्राणी की आत्मा ही कृष्ण है। जब हम अपने अपने वास्तविक स्वरूप में बस जाते हैं, तो हमारा व्यक्तित्व खिल उठता है, हमारे भीतर कौशल विकसित है और जीवन में प्रचुरता आती है। कृष्ण को माखन चुराने के लिए जाना जाता है। इस रूपक का क्या अर्थ है? मक्खन वह है जो आपको किसी प्रक्रिया के अंत में मिलता है; दूध पहले दही बनता है, फिर उसे मथकर मक्खन प्राप्त किया जाता है। इसी तरह, जीवन में कई घटनाओं के माध्यम से मंथन की प्रक्रिया होती है। लेकिन अंत में जब मंथन समाप्त हो जाता है, तो हमें मक्खन अर्थात हमारे भीतर की पवित्रता प्राप्त होती है। भगवान कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाने का पूरा सार, प्रतिकूल और अनुकूल दोनों परिस्थितियों में संतुलन बनाये रहना, प्रसन्न, केंद्रित और आनंदित रहना है। जब जीवन में सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा हो तो आप एक बड़ी मुस्कान रख सकते हैं, लेकिन यदि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी आप अपनी मुस्कान बनाए रख सकते हैं, तो आपको समझना चाहिए कि आपने जीवन में कुछ अद्भुत प्राप्त कर लिया है। यह तो हम कृष्ण के दृष्टिकोण से ही सीखते हैं! वे एक पैर धरती पर टिकाकर और दूसरा पैर धरती से ऊपर उठाकर खड़े हैं; जीवन में नृत्य तभी घटित हो सकता है। यदि आपके दोनों पैर भूमि पर टिके हुए हैं तो नृत्य नहीं हो सकता। यदि आपका मन हर समय सांसारिक चिंताओं में डूबा रहता है, तो आप नृत्य कैसे कर सकते हैं? साक्षी बनें। जब आप बिना लालसा या द्वेष के मन में अशांति को देख पाते हैं, तो आप उससे ऊपर उठ सकते हैं। इसलिए जब आप पछतावे और चिंताओं से परेशान हों, तो यह सोचने के बजाय कि यह कैसे नहीं होना चाहिए था, आपको बस समर्पण करने की आवश्यकता है। तब आप कृष्ण की तरह जीवन के उतार-चढ़ाव में नृत्य करने में सक्षम हों जाएंगे। इतने सारे लोग कृष्ण तक क्यों नहीं पहुंच पाते? कृष्ण कहते हैं, इसका कारण यह है कि उनका मन राग-द्वेष में डूबा हुआ है। जो व्यक्ति तीव्र लालसा रखता है या बहुत अधिक घृणा करता है वह मोह या आसक्ति के जाल में फंस जाता है। जब ऐसे व्यक्तियों को जीवन में धन या संबंधों में समस्याओं का सामना करना पड़ता है, तो उनका मस्तिष्क इससे ग्रस्त हो जाता है, वे अनगिनत घंटे, महीने या वर्ष चिंता में ही बिता देते हैं, इससे उबरने में सक्षम नहीं हो पाते, यह नहीं जान पाते कि भगवान कृष्ण कौन हैं। भगवान कृष्ण कहते हैं, जिनके पाप नष्ट नहीं होते वे अज्ञान और भ्रम में फंसे रहते हैं लेकिन जिनके पुण्य फल देने लगते हैं, वे अपने सभी दुखों से मुक्त हो जाते हैं और मेरी ओर आकर्षित होने लगते हैं। जब आप प्रबुद्धि की ओर चलना शुरू करते हैं, तो अज्ञानता का अंधकार नहीं रह सकता। पाप हमें इस यात्रा का आरंभ नहीं करने देता। यही वह बात है जो हमें दुख, पीड़ा और कष्ट देती है। लेकिन जब आप समझ जाते हैं कि आप यह शरीर नहीं, बल्कि शुद्ध चेतना हैं, तो आपके भीतर अपार शक्ति का उदय होता है। एक बार जब परमात्मा में विश्वास पैदा हो जाता है या अनुभव हो जाता है, तो आपको और कुछ करने की आवश्यकता नहीं होती। अपने विश्वास पर रत्ती भर भी संदेह न करें। ईश्वर को वास्तव में जानने और उसके प्रकाश में चलने का यही अर्थ है। कृष्ण सभी संभावनाओं; मनुष्य और ईश्वर होने के प्रत्येक पहलू के पूर्ण विकसित होने के प्रतीक हैं। जन्माष्टमी वह दिन है जब आप कृष्ण के विराट स्वरूप को एक बार फिर से इस चेतना में याद करते हैं और उनकी अनुभूति करते हैं। अपने वास्तविक स्वरूप को अपने दैनिक जीवन में प्रकट करना ही कृष्ण के जन्म का वास्तविक रहस्य है।
चंबा, कांगड़ा, शिमला और अन्य जिलों के भ्रमण कर सकते हैं सैलानी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर के नादौन में कहा कि हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण प्रदेश में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं और निजी एवं सार्वजनिक संपत्ति को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के दृढ़ एवं त्वरित प्रयासों के फलस्वरूप राज्य में सड़कों को काफी हद तक बहाल कर दिया गया है तथा प्रदेश में आगंतुकों के लिए सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह राज्य की अब तक की सबसे भीषण त्रासदी थी, लेकिन अब राज्य में हालात सामान्य हो रहे हैं। नादौन में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटकों के लिए सुरक्षित है और पर्यटक अब चंबा, कांगड़ा, शिमला और अन्य जिलों के भ्रमण पर आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने और सभी प्रभावितों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विपदा के समय में भी नेता प्रतिपक्ष प्रभावित परिवारों की पीड़ा के प्रति सहानुभूति व्यक्त करने के बजाय राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने नेतापक्ष से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संपर्क कर हिमाचल प्रदेश के लिए केदारनाथ और भुज त्रासदी की तर्ज पर विशेष पैकेज प्रदान करने के लिए आग्रह करने का आहवान किया। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार ने केंद्र सरकार से इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करने और उत्तराखंड और गुजरात में प्रदान की गई सहायता के समान वित्तीय सहायता प्रदान करने की बार-बार अपील की है, लेकिन अभी तक केंद्र सरकार द्वारा इस संबंध में कोई भी कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान करने के हरसंभव प्रयास कर रही है। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये के ऋण का बोझ डाला तथा केवल राजनीतिक लाभ के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार कर्मचारियों के बकाया और भत्ते देने में विफल रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभालने के पश्चात वित्तीय बाधाओं के बावजूद कर्मचारियों के हितों में अभूतपूर्व निर्णय लेकर पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी महापर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भगवान श्री कृष्ण ने धर्म व सत्य का जो पथ प्रशस्त किया, वह आज भी हमारे जीवन का मार्ग प्रशस्त करता हैं। भगवान श्री कृष्ण के उपदेश आज भी हमारे जीवन को सत्य और धर्म पर चलने को प्रेरित करते हैं। भगवान श्री कृष्ण का आशीर्वाद सब पर बना रहे, इसकी उन्होंने कामना की।
ओडिशा सरकार ने आपदा राहत कोष-2023 के लिए हिमाचल प्रदेश को 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उदारतापूर्ण सहायता के लिए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इससे आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करने में प्रदेश सरकार को मदद मिलेगी। उन्होंने आम लोगों से आपदा राहत कोष में उदारतापूर्वक योगदान का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावितों को सहयोग और सहायता सुनिश्चित करने के लिए देश भर के लोगों के सामूहिक प्रयास और योगदान सराहनीय हैं।
शिव प्रताप शुक्ल ने विशेष क्षमता वाले बच्चों के संस्थान ढली का किया दौरा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज शिमला के निकट ढली में विशेष क्षमता वाले बच्चों के संस्थान (बाल) का दौरा किया। राज्यपाल ने कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चों के कौशल को निखारना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विशेष मार्गदर्शन प्राप्त कर ये, बच्चे समाज के लिए प्रेरणास्रोत साबित हो सकते हैं। उन्होंने संस्थान में छात्रों के लिए कई व्यावसायिक कार्यक्रमों के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यावसायिक कार्यक्रम उन्हें आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं। राज्यपाल ने कहा कि सभी बच्चों को अपनी भावनाओं को व्यक्त करने और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का समान अवसर प्रदान किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने बच्चों की विशेष देखभाल और उन्हें नियमित शिक्षण के साथ-साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज विशेष रूप से सक्षम बच्चे कई प्रतिष्ठित क्षेत्रों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से वे जीवन में सफलतापूर्वक आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने संस्थान में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जायेगा तथा संस्थान में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि वह सामाजिक संगठनों से भी बात करेंगे ताकि उन्हें संरक्षकता मिल सके। उन्होंने बच्चों से संवाद किया और मिठाईयां भी बांटी। उन्होंने कहा कि वह इन बच्चों के साथ दीवाली मनाएंगे। उन्होंने परिसर और कक्षाओं का निरीक्षण भी किया तथा नवनिर्मित भवन के बारे में जानकारी ली। इससे पहले, स्कूल के प्रधानाचार्य धर्मपाल राणा ने राज्यपाल का स्वागत किया और संस्थान में चलाए जा रहे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने राज्यपाल को कर्मचारियों की विभिन्न मांगों के बारे में भी जानकारी दी। राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा, निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता प्रदीप ठाकुर, अतिरिक्त निदेशक महिला एवं बाल विकास मोहन दत्त शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी केवल राम चौहान, जिला बाल संरक्षण अधिकारी रमा कंवर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
लोक निर्माण व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह की अध्यक्षता में आज यहां सुन्नी बांध जल विद्युत परियोजना तथा एनटीपीसी कोलडैम प्रबंधन के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना निर्माण में प्रभावितों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सतलुज जल विद्युत निगम द्वारा निर्मित की जा रही 382 मेगावॉट क्षमता की सुन्नी बांध जल विद्युत परियोजना से विद्युत उत्पादन सहित स्थानीय स्तर पर लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि शिमला व मण्डी जिला के मध्य यह परियोजना स्थापित की जा रही है और शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र का एक बड़ा भाग भी इसके अंतर्गत आ रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रभावितों को रोजगार में प्राथमिकता प्रदान की जानी चाहिए। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर निगमित सामाजिक दायित्व के अंतर्गत विभिन्न कार्य सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सुन्नी-लुहरी सड़क पर सुन्नी से चेवड़ी तक सड़क के विस्तारीकरण के लिए परियोजना प्रबंधन आवश्यक कदम उठाए। इससे परियोजना कार्य में बड़ी मशीनों को लाने-ले जाने में सुविधा होगी, वहीं स्थानीय जनता को भी आवागमन के लिए बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए लगभग 80 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार कर परियोजना प्रबन्धन को भेजा गया है। बैठक में हाल ही में भारी बरसात के कारण कोलडैम जलाशय में जल स्तर बढ़ने से सुन्नी तथा आसपास के क्षेत्रों में हुए नुकसान एवं इससे बचाव संबंधी कार्यों पर भी चर्चा की गई। लोक निर्माण मंत्री ने परियोजना प्रबन्धन को शाकरा तथा अन्य पचंायतों को जोड़ने वाले चाबा पैदल पुल तथा थली पुल के पुनर्निर्माण एवं रख-रखाव में आवश्यक सहयोग करने को कहा। इसके अतिरिक्त जल स्तर बढ़ने से भू-धंसाव के कारण सकरोड़ी पंचायत में कुछ घरों में दरारें आई हैं। उन्होंने इसके लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबन्ध सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने एनटीपीसी कोलडैम को सुन्नी सहित अन्य क्षेत्रों में जलाशय के जल स्तर में होने वाली वृद्धि के दृष्टिगत तटीयकरण एवं सुरक्षा दीवार इत्यादि के लिए व्यापक अध्ययन करने को भी कहा ताकि इन क्षेत्रों में भूमि कटाव सहित सार्वजनिक एवं निजी सम्पत्ति को बार-बार होने वाले नुकसान से बचाया जा सके। बैठक में सतलुज नदी मेें सिल्ट के कारण साथ लगती पंचायतों को नुकसान से बचाने, मुख्य जिला सड़कों एवं राज्य सड़कों के रख-रखाव एवं मरम्मत सहित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त आदित्य नेगी, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) निशांत भारद्वाज, सतलुज जल विद्युत निगम एवं एनटीपीसी कोलडैम परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी, ऊर्जा विभाग व लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, शिमला ग्रामीण मंडल से गोपाल शर्मा सहित सुन्नी बांध जल विद्युत परियोजना कार्य से जुड़ी कम्पनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मनीष गर्ग ने आज यहां ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया पर चर्चा के लिए राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने राजनीतिक दलों को अवगत करवाया कि राज्य के ज़िला मंडी व कुल्लू के अतिरिक्त सभी जिलों में ईवीएम और वीवी पैट की एफएलसी 16 सितंबर से तथा जिला मंडी व कुल्लू में यह कार्य 25 सितंबर से आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एफएलसी की शुरुआत से पहले सभी ज़िला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) द्वारा सभी राष्ट्रीय व राज्य मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के सभी जिला अध्यक्ष व सचिवों को नोटिस जारी किया जाएगा। राजनैतिक दलों को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा पहचान-पत्र जारी करने के लिए प्रतिनिधियों के पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की एक सूची प्रदान कर आवेदन करना होगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से लेकर 2 अक्तूबर गांधी जयंती तक पूरे प्रदेशभर सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को हर्ष और उल्लास के साथ पूरे प्रदेश भर में अनेकों कार्यक्रमों के माध्यम से मनाने जा रही है। मोदी देश के प्रथम सेवक हैं और उनके जन्मदिन सेवा कार्यों के माध्यम से मनाया जाएगा। बिंदल ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ करेंगे, जिसमें विभिन्न प्रकार के कारीगर लोहार, सुनार, कुम्हार, बढ़ई, मिस्त्री, बार्बर, टेलर, चर्मकार, मुर्तिकार, जुलाहा, बुनकर आदि 2 करोड़ों लोगों के लिए 15000 करोड़ रुपये की योजना प्रारंभ की जाएगी। इस कार्यक्रम को हमे पूरे प्रदेशभर में मंडल और बूथ तक देखेंगे। उन्होंने कहा कि इसी दिन देश के 70 स्थानों पर एक्सपो केंद्रों का उद्घाटन होगा। इसी क्रम में 18 सितंबर को प्रदेशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाने हैं। 19 सितंबर से 22 सितंबर तक आयुष्मान भारत योजना के कार्ड बनाने हैं। इसके लिए विशिष्ट मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा। भाजपा के कार्यकर्ता इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। 23 और 24 सितंबर को स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने हैं। 25 सितंबर पं दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। सदा की भांति हर बूथ पर यह कार्यक्रम होगा। हमें हर मंडल में एक दलित बस्ती चुनकर प्रमुख कार्यकर्ताओं को वहां पूरा दिनभर संपर्क- संवाद करना है। उन्होंने कहा कि 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के दिन सभी स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस 7 सितंबर को सायं 5 बजे 6 बजे तक सभी जिलों में भारत जोड़ो पदयात्रा सम्मेलन का आयोजन करेगी। इस यात्रा की परिणति भारत जोड़ो अभियान, सार्वजनिक सभा के रूप में होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने, विभाजनकारी राजनीति व राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर गत वर्ष 7 सितंबर को देश में भारत जोड़ो यात्रा को शुरू किया था। उन्होंने इस दौरान 4080 किलोमीटर, 12 राज्यों, 2 केंद्र शासित राज्यों, देश के 75 जिलों व 76 लोकसभा क्षेत्रों से होकर 130 दिनों तक यह पदयात्रा की थी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी की इस ऐतिहासिक पदयात्रा के एक वर्ष पूरा होने पर देश के सभी राज्यों के जिलों में 7 सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा, भारत जोड़ो सम्मेलन का आयोजन करने को कहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने की सुरक्षा प्रबंधों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने 11:30 बजे आगामी मानसून सत्र के दृष्टिगत सुरक्षा प्रबंधों से संबंधित विधानसभा सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। गौरतलब है कि विधानसभा का 7 दिवसीय मानसून सत्र 18 सितंबर से आरंभ होने जा रहा है। इस बैठक में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों संजय कुंडू, पुलिस महानिदेशक, सतवंत अटवाल अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, डीसी शिमला आदित्य नेगी, विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा, एसपी शिमला संजीव गांधी तथा अन्य कई विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि विधानसभा सचिवालय में ई-प्रवेश पत्र ऑनलाइन आवेदन पर ही दिया जाएगा। ई-विधान प्रणाली के तहत विधान सभा सचिवालय इसे ऑनलाइन तरीके से मुद्रित करेगी। यह आवेदन सभी ई- प्रवेश पत्र पाने वालों को अनिवार्य है। विधानसभा सचिवालय में ई- प्रवेश पत्र की जांच हेतु पुलिस द्वारा कम्पयुट्रीकृत जांच केंद्र मुख्य द्वारों पर स्थपित किए जाएंगे, ताकि कम से कम असुविधाहो तथा जांच भी पूर्ण हो। पठानिया ने कहा कि पूर्व की भांति इस बार भी क्युआर कोड के माध्यम से फोटो युक्त ई-प्रवेश पत्र को लेपटॉप के माध्यम से प्रमाणित किया जाएगा। इन केंद्रों पर हर व्यक्ति का डाटाबेस बनेगा। जिसे पुलिस नियन्त्रण कक्ष से मॉनिटर करेगी। उन्होने कहा कि ई- प्रवेश पत्र ई-विधान के अंतर्गत बनाये जाएंगे। बैठक में सदस्यों तथा सत्र के कार्य से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को कम से कम असुविधा हो के दृष्टिगत यह निर्णय लिस गया कि विधान सभा सचिवालय द्वारा जारी अधिकारी दीर्घा पास, स्थापना पास तथा प्रैस संवाददाताओं को जारी किए गए पास प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि सुरक्षा कर्मियों द्वारा फ्रिस्किंग की कम से कम आवश्यकता रहे। श्री पठानियां ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए तथा सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाए। प्रेस संवाददाताओं की सुविधा एवं सार्वजनिक सुरक्षा को देखते हुए बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रैस संवाददाताओं का प्रवेश यथावत गेट नं 3,4,5 व 6 से ही रखा जाए। विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अपने पहचान पत्र प्रमुखता से प्रदर्शित करने होंगे। इसके अतिरिक्त यह भी निर्णय लिया गया कि कोई भी सरकारी अधिकारी/ कर्मचारी व अन्य पास धारक अपना शासकीय पास किसी अन्य को स्थानांतरित नहीं करेगा, अन्यथा कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है। बैठक में निर्णय लिया गया कि विधान सभा परिसर की मुख्य पार्किंग में केवल मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिवों एवं प्रशासनिक सचिवों के वाहनों को ही पार्किंग करने की अनुमति प्रदान की जाएगी।
देश का प्रसिद्ध पर्यटन गंतव्य हिमाचल प्रदेश एक बार फिर पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि पर्यटक कसौली, शिमला, चायल, नारकंडा और किन्नौर जैसे खूबसूरत पर्यटन गंतव्यों की यात्रा और भ्रमण कर सकते हैं। इन पर्यटन गंतव्यों के लिए सड़क मार्ग खुले हैं और कोई भी इन गंतव्यों की सुरक्षित यात्रा कर सकता है। उन्होंने बताया कि कांगड़ा घाटी, धर्मशाला, मैक्लोडगंज, पालमपुर, डलहौजी, खज्जियार और चंबा के भ्रमण के लिए भी सड़क मार्ग खुले हैं। पर्यटक वर्तमान सीजन में राज्य के अधिकांश होटलों में विशेष छूट की सुविधा का लाभ भी उठा सकते हैं। उन्होंनेे बताया कि राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में पर्यटन क्षेत्र का योगदान 7 प्रतिशत है। इसके अलावा, पर्यटन क्षेत्र राज्य में कुल रोजगार में लगभग 14.42 प्रतिशत प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार का योगदान देता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण सड़क मार्ग से यात्रा के लिए राज्य के कुछ हिस्सों में व्यवधान उत्पन्न हुआ, हालांकि सड़क मार्गों को बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर किये गए प्रयासों से पर्यटक अब चंबा, कांगड़ा, शिमला और अन्य जिलों की यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से शिमला से धर्मशाला के लिए हवाई सेवा कनेक्टिविटी प्रदान की गई है और अब दिल्ली से शिमला और शिमला से धर्मशाला (गग्गल हवाई अड्डा) के लिए अलायन्स एयर की दैनिक उड़ान भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि शिमला-धर्मशाला-शिमला की सभी सीटों के किराये पर सब्सिडी राज्य सरकार द्वारा वहन की जा रही है। इस रूट पर कुल किराया प्रति सीट 3000 रुपये (टैक्स अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त, हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों की सुविधा के लिए उड़ान योजना के अंतर्गत पवन हंस द्वारा संचालित हेलीकाप्टर सेवा की उड़ानें चंडीगढ़ से शिमला और शिमला से रामपुर, मंडी, कुल्लू तथा धर्मशाला के लिए उपलब्ध हैं।
विभाग परीक्षा बोर्ड के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा, भारतीय वन सेवा और हिमाचल प्रदेश वन सेवा के अधिकारियों, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और हिमाचल में कार्यरत अन्य सभी राजपत्रित एवं पात्र अराजपत्रित अधिकारियों, स्कूल शिक्षा बोर्ड के राजपत्रित अधिकारी, पात्र अराजपत्रित अधिकारी तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अभियन्ताओं व हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के वरिष्ठ प्रबन्धकों, सहायक अभियन्ताओं, राजस्व विभाग के पटवारी व कानूनगो के लिए विभागीय परीक्षाएं 21 से 29 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं के लिए पात्र अधिकारियों से 8 सितंबर से 7 अक्तूबर, तक मानव संपदा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि के बाद आवेदन की विंडो स्वत: ही बंद हो जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागाध्यक्षों के अनुमोदन के बाद ही प्रार्थी का आवेदन मान्य होगा और विभागाध्यक्षों के लिए यह विंडो 16 अक्तूबर तक खुली रहेगी। इसके बाद विभागाध्यक्ष की विंडो भी बंद हो जाएगी। उन्होंने बताया कि विभागीय परीक्षाओं में भाग लेने के इच्छुक पात्र अधिकारियों की सुविधा के लिए सभी पेपर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, राजकीय डिग्री कॉलेज संजौली, शिमला में आयोजित करवाए जायेंगे। इसके अतिरिक्त जो अभ्यार्थी केवल प्रथम पेपर वित्तीय प्रशासन पेपर-1 में भाग ले रहे हैं, उनके लिए राजकीय डिग्री कॉलेज धर्मशाला और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, मण्डी में भी आयोजित करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परीक्षा की संभावित तिथियां हैं और परिस्थितियों के अनुरूप इनमें बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और परीक्षा की समय सारिणी हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिप्पा) की वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हिमाचल प्रदेश के 16 शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा गया है। मंगलवार सुबह शिक्षक दिवस पर राजभवन शिमला में राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर इन शिक्षकों को सम्मानित किया। कांगड़ा, बिलासपुर, लाहौल-स्पीति और किन्नौर से एक भी शिक्षक का पुरस्कार के लिए चयन नहीं हुआ है। जिला शिमला से चार, कुल्लू-ऊना और हमीरपुर से दो-दो शिक्षकों को चुना गया है। मंडी-सोलन-सिरमौर और चंबा जिला से पुरस्कार के लिए एक-एक शिक्षक का चयन हुआ है। 10 शिक्षकों का चयन प्रदेशभर से प्राप्त हुए 39 आवेदनों के आधार हुआ था। तीन शिक्षकों किशोरी लाल, दलीप सिंह और हरीराम शर्मा को सरकार की ओर से गठित राज्य स्तरीय कमेटी ने चयनित किया। कार्यक्रम में इन शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र और शॉल व टोपी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, पुरस्कार के लिए एक शिक्षक का नाम समारोह के दौरान ही घोषित किया गया। इसके अलावा बीते वर्ष राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिमला के वीरेंद्र कुमार व चंबा के युद्धवीर सिंह को भी राज्य पुरस्कार दिया गया पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों की सूची शिक्षक का नाम स्कूल का नाम पद अमर चंद चौहान वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल आनी, कुल्लू प्रिंसिपल दीपक कुमार वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चंबा प्रवक्ता बायोलॉजी अशोक कुमार वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मंडी प्रवक्ता वाणिज्य कृष्ण लाल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बजौरा, कुल्लू डीपीई हेम राज वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हिमरी, शिमला टीजीटी नॉन मेडिकल कमल किशोर वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल त्यूरी, ऊना कला शिक्षक नरेश शर्मा प्राथमिक स्कूल गिरथरी, हमीरपुर मुख्य शिक्षक प्रदीप कुमार प्राथमिक स्कूल सलोह, सोलन जेबीटी शिव कुमार प्राथमिक स्कूल ककराना, ऊना जेबीटी कैलाश सिंह शर्मा केंद्रीय प्राथमिक स्कूल लालपानी, शिमला जेबीटी किशोरी लाल उपशिक्षा निदेशक कार्यालय हमीरपुर सीएचटी दलीप सिंह वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल वासनी, सिरमौर प्रवक्ता अंग्रेजी हरि राम शर्मा मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नेरवा, शिमला प्रिसिंपल सुरजीत सिंह राठौर छोटा शिमला स्कूल प्रवक्ता
हिमाचल प्रदेश के अटल मेडिकल विश्वविद्यालय में एमबीबीएस प्रवेश मामले में राष्ट्रीय मेडिकल आयोग को सुप्रीम राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने एमबीबीएस में दाखिला देने के हिमाचल हाईकोर्ट के निर्णय पर अंतरिम रोक लगाई है। न्यायमूर्ति एस रवींद्र भट्ट और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की खंडपीठ ने प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेशों में स्पष्ट किया है कि एमबीबीएस में दाखिला देने के आदेशों पर लगाई गई रोक याचिका के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगी। मामले की सुनवाई 25 सितंबर को निर्धारित की गई है। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ ने संजना ठाकुर को एमबीबीएस में प्रवेश न देने पर राष्ट्रीय मेडिकल आयोग और अटल मेडिकल विश्वविद्यालय को दो-दो लाख रुपये मुआवजा अदा करने के आदेश दिए थे। इसके अलावा आयोग और विवि को 10-10 हजार की कॉस्ट भी लगाई थी। अदालत ने याचिकाकर्ता संजना ठाकुर को एमबीबीएस में दाखिला देने के आदेश भी पारित किए थे। मंडी जिले की संजना ठाकुर ने हाईकोर्ट के समक्ष याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता ने अटल मेडिकल विवि में एमबीबीएस की दो खाली सीटों को भरने की गुहार लगाई थी। दलील दी गई थी कि दो अभ्यर्थियों के फर्जी दस्तावेज पाए जाने के कारण एमबीबीएस की दो सीटें खाली रह गई हैं। याचिकाकर्ता ने नीट में 508 अंक प्राप्त किए है, जबकि 508 अंकों वाली रिया सिंह को एमबीबीएस में प्रवेश दिया गया है। अब दो सीटें खाली होने के कारण याचिकाकर्ता का प्रवेश संभव हो सकता है। विवि प्रशासन की ओर से अदालत को बताया गया कि कार्तिक शर्मा और शिवानी शर्मा के फर्जी दस्तावेज पाए जाने के कारण दो सीटें खाली रह गई हैं। सीटों को भरने के लिए 17 जनवरी 2023 को राष्ट्रीय मेडिकल आयोग को पत्राचार किया गया था। अदालत ने अपने निर्णय में कहा था कि एमबीबीएस की पढ़ाई नवंबर 2022 को शुरू हो गई है और राष्ट्रीय मेडिकल आयोग और अटल मेडिकल विवि ने अभी तक इस मामले में जवाब दायर नहीं किया है। अदालत ने कहा था कि प्रतिवादियों के इस गैर जिम्मेदाराना व्यवहार से याचिकाकर्ता को एमबीबीएस में समय पर प्रवेश नहीं मिल पाया। अदालत को बताया गया था कि एमबीबीएस की प्रवेश के लिए अंतिम तिथि 29 दिसंबर 2022 थी। अब इस मामले में याचिकाकर्ता को प्रवेश नहीं दिया जा सकता है। अदालत ने अपने निर्णय में कहा था कि यदि आयोग ने समय से जवाब दिया होता तो याचिकाकर्ता को प्रवेश मिल सकता था। अटल मेडिकल विवि की कार्यप्रणाली के बारे में अदालत ने कहा था कि उसने 17 जनवरी 2023 को आयोग को खाली सीटों के बारे में बताया। हालांकि एमबीबीएस मेें प्रवेश 29 दिसंबर 2022 थी। अदालत ने पाया था कि आयोग और विवि के गैर जिम्मेदाराना रवैये के कारण याचिकाकर्ता को एमबीबीएस में दाखिला नहीं दिया गया।
विधानसभा के तीसरे सत्र (मानसून सत्र) के चलते शिक्षा विभाग में 11 से 25 सितंबर तक छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। 18 सितंबर से शुरू होने वाले मानसून सत्र के चलते उच्च और प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को मानसून सत्र के चलते रविवार सहित अन्य छुट्टियों के दौरान भी बुलाया जा सकता है। सुबह आठ से रात आठ बजे तक अफसरों को दफ्तर में मौजूद रहना होगा। विभाग ने विधानसभा में शिक्षा विभाग से संबंधित लगे सभी प्रश्नों के जवाब जल्द देने के लिए भी कहा है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विभाग से संबंधित सभी प्रश्नों के जवाब तैयार होने चाहिए। अधिकारियों के पास हर तरह की जानकारी होनी चाहिए। हर शाखा में कम से कम एक अधिकारी इस दौरान रोजाना सुबह साढ़े आठ बजे ऑफिस में होना चाहिए। इनकी छुट्टियां हुई हैं रद्द अतिरिक्त निदेशक प्रशासन, कॉलेज, स्कूल उच्च शिक्षा, संयुक्त निदेशक कॉलेज, संयुक्त निदेशक फाइनेंस एंड अकाउंट, सह निदेशक, उच्च शिक्षा के सभी उपनिदेशक, सभी सरकारी कॉलेजों के प्रिंसिपल, कमांडर एनसीसी और चीफ लाइब्रेरियन सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी सोलन, प्रारंभिक शिक्षा के सभी उपनिदेशक, प्रिंसिपल डाइट की छुट्टियां रद्द करने के आदेश दिए गए हैं। इन अधिकारियों के तहत काम करने वाले स्टाफ को भी छुट्टियां नहीं मिलेंगी। विभाग में विभिन्न श्रेणी के कर्मचारियों के कितने पद सृजित हैं, कितने पद रिक्त हैं। कितने पद भरे गए हैं। निदेशालय के अधिकारियों ने कितने स्कूलों, कॉलेजों का निरीक्षण किया। कितने नए स्कूल, कॉलेज खोले गए। सरकार की विभिन्न योजनाओं का क्या स्टेटस है।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने आठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल कर दिया है। सचिव राकेश कंवर को शिक्षा विभाग का जिम्मा सौंपा गया है। कंवर के पास पशुपालन और भाषा एवं संस्कृति विभाग भी रहेगा। इनसे कृषि विभाग वापस लिया गया है। सचिव डॉ. अभिषेक जैन को शिक्षा विभाग की जिम्मेवारी से पदभार मुक्त कर दिया गया है। अभिषेक जैन को गृह एवं विजिलेंस और आईटी विभाग सौंपा गया है। इनके पास सचिव वित्त, योजना, आर्थिकी एवं सांख्यिकी, बीस सूत्रीय कार्यक्रम, श्रम एवं रोजगार विभाग और मुख्यमंत्री के सचिव का कार्यभार भी रहेगा। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार सचिव सी. पालरासू को कृषि विभाग सौंपा गया है। इनके पास प्रशासनिक सुधार, सहकारिता और बागवानी विभाग भी रहेगा। सचिव प्रियतू मंडल को तकनीकी शिक्षा विभाग की जिम्मेवारी सौंपी गई है। प्रियतू मंडल के पास ग्रामीण विकास और पंचायतीराज और मतस्य विभाग भी रहेगा। विशेष सचिव राजस्व सीपी वर्मा को निदेशक भू अभिलेख के पद पर नियुक्ति दी गई है। विशेष सचिव तकनीकी शिक्षा संदीप कुमार को आयुक्त विभागीय जांच का कार्यभार भी सौंपा गया है। बीबीएन विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित जैन को प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम का जिम्मा भी सौंपा गया है। नियुक्ति का इंतजार कर रहे आईएएस अधिकारी मनीष कुमार को एडीसी हमीरपुर लगाया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हमीरपुर जिला में नादौन क्षेत्र के दौरे के दौरान आज विभिन्न संगठनों और दानी सज्जनों ने आपदा राहत कोष-2023 के लिए उदारतापूर्वक अंशदान किया। मुख्यमंत्री को श्री माता बगलामुखी न्यास ने 5 लाख, गौना स्थित डाईट के कर्मचारियों ने 55 हजार, ज्योतिकलश संस्था टीहरा जिला मंडी ने एक लाख रुपये, प्राथमिक शिक्षक संघ गलोड़ ने 21 हजार रुपये, टीजीटी कला संघ ने 52 हजार रुपये, राजस्व विभाग कर्मचारी संघ ने 65 हजार रुपये और नादौन के चौरू गांव के डॉ. जय प्रेम ने 51 हजार रुपये के चेक राहत कोष के लिए भेंट किए। मुख्यमंत्री ने अंशदान के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के योगदान से जरूरतमंदों की जीवन में आशातीत बदलाव लाने में मदद मिलेगी।
महिला मोर्चा ने केंद्र की नीतियों व पार्टी विचार को लेकर दिया प्रशिक्षण भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने राष्ट्रीय स्तर महिला मोर्चा को सोशल मीडिया की तकनीक में माहिर बनाने के लिए राष्ट्रीय बैठक का आयोजन पार्टी के मुख्यालय दिल्ली में किया गया। इसका शुभारंभ भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन ने किया। इस बैठक में महिला मोर्चा की देश भर से महिला प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वहीं, हिमाचल से भाजपा महिला मोर्चा आईटी व सोशल मीडिया की संयोजक वर्षा ठाकुर, कांगड़ा चंबा क्षेत्र की संयोजक सीमा चंदेल व शिमला क्षेत्र से रचना शर्मा ने हिमाचल के प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लिया। बैठक में महिला मोर्चा की सोशल मीडिया की गतिविधियों को लेकर जहां जानकारी दी गई, किस प्रकार से पार्टी के प्रचार व विचार को आगे रखना है, सोशल मिडिया का सकारात्मक प्रयोग करते हुए लोगों तक बात पहुंचानी है,वहीं केंद्र सरकार ने किस प्रकार से महिला सशक्तिकरण के लिए काम किया है, महिलाओं के लिए क्या-क्या नीतियां बनाई है ,किस प्रकार से उन नीतियों को घर-घर तक पहुंचना है, उसको लेकर के भी विशेष जानकारी दी गई। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा बेहतर रूप से इस कार्यशाला बैठक में प्रशिक्षण दिया गया, निश्चित रूप से इस प्रशिक्षण का आने वाले समय में भाजपा महिला मोर्चा को हिमाचल में अपने कार्य व नीतियों को आगे बढ़ने व प्रचार में मदद मिलेगी। बैठक में भाग लेने गई भाजपा महिला मोर्चा की प्रतिनिधि वर्षा ठाकुर,रचना शर्मा व सीमा चंदेल ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का एक सराहनीय प्रयास रहा है, राष्ट्रीय स्तर की इस बैठक में अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां दी गई हैं, जिसका लाभ हिमाचल प्रदेश को भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल महिला मोर्चा की अध्यक्ष वंदना योगी के नेतृत्व में संगठन को मजबूत बनाने में सोशल मीडिया की यह बैठक महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से विशेष भेंट के दौरान सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के सभी विधायकों ने विधान सचिवालय में विधायकों तथा उनसे मिलने आने वाले आगंतुकों के लिए सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू तथा विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया का धन्यवाद किया है। विधायकों ने कहा है कि 15 दिन पूर्व उन्होंने सामूहिक रूप से विधान सभा सचिवालय तथा परिसर में सुविधाओं के विस्तार हेतु माननीय अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपा था। जिस पर कार्रवाई करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी आशा अनुरूप सुविधाओं का विस्तार किया है, वहीं परिसर के नजदीक बने विधायकों के आवासीय परिसर के जिर्णाेद्धार का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विकास का कार्य एक निरंतर प्रक्रिया है, जो चलता रहेगा। उन्होने कहा कि शीघ्र ही विधान सभा परिसर में जहां विधायकों के लिए व्यायामशाला, फिटनेस सेंटर जैसी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी, वहीं विधान सभा में कैन्टीन की सुविधा को भी स्तरोन्नत किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय विधायक केवल सिंह पठानियां, डॉ. जनक राज, मलेंद्र राजन तथा पूर्ण चंद ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित थे। विधायकों ने कहा कि उनके आवास की मरम्मत पूर्ण हो चुकी है अब वह बेफिक्र अपने आवास में रह रहे हैं।
भाजपा विधायक दल की बैठक में चंद्रयान 3 पर बधाई प्रस्ताव पारित आपदा में जानमाल का नुकसान, शोक प्रस्ताव पारित भाजपा विधायक दल की बैठक शिमला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रदेश में मानसून से पैदा हुई आपदा को लेकर चर्चा हुई। भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा के सभी विधायकों ने अपने -अपने विधानसभा क्षेत्रों में बारिश से हुए नुकसान को नेता प्रतिपक्ष व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के सामने रखा। इस बारिश में हिमाचल प्रदेश को बहुत नुकसान हुआ है, जान माल का नुकसान हुआ है और हर परिवार प्रभावित हुआ है, जिसमें लोगों की निजी संपत्ति भी काफी नष्ट हुई है। विधायक दल ने आपदा के कारण प्रदेश में हुई जानमाल के नुकसान पर शोक प्रस्ताव भी पारित किया। भाजपा विधायकों द्वारा एक महीने की सैलरी को आपदा राहत कोष में जमा करवाया जाएगा जो मुख्यमंत्री को शिमला आने पर दिया जाएगा। उन्होंने कहा की चंद्रयान 3 की सफलता पर केंद्र सरकार, पीएम मोदी,इसरो के अध्यक्ष और वैज्ञानिक को बधाई देते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही विधानसभा के दृष्ठिगत योजना बनाई जाएगी व कांग्रेस के कर्णधारों द्वारा राहत राशि की बांट में जो भाई भतीजाबाद और भ्रष्टाचार हुआ उसकी पोल विधानसभा सत्र के दौरान खोली जाएगी। बैठक में भाजपा विधायक विपिन परमार, बिक्रम ठाकुर, रणधीर शर्मा, हंसराज, विनोद कुमार, रणवीर सिंह, बलबीर वर्मा, पवन काजल, सतपाल सत्ती, अनिल शर्मा, जीत राम कटवाल, इंद्र सिंह गांधी, दीप राज , सुरेंद्र शौरी, दिलीप ठाकुर, पूर्ण चंद, रीना कश्यप उपस्थित रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रदेश में 7 सितम्बर की प्रस्तावित भारत जोड़ो यात्रा, भारत जोड़ो सम्मेलन के लिए पार्टी पदाधिकारियों को जिला बार जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन रजनीश किमटा ने एक अधिसूचना जारी करते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची व सचिव इंद्रजीत सिंह को शिमला कांग्रेस महासचिव चेतराम ठाकुर मंडी भुवनेश्वर गौड़ कुल्लू, रोहित वत्स धामी लाहुल स्पीति, महासचिव आशीष बुटेल कांगड़ा, विनोद सुल्तानपुरी सोलन,धर्म सिंह पठानिया चंबा, महेंद्र स्तान किन्नौर, अजय सोलंकी सिरमौर, विवेक कुमार बिलासपुर पवन ठाकुर हमीरपुर व अविनाश कपिला को ऊना जिला में भारत जोड़ो यात्रा व भारत जोड़ो सम्मेलन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बोले- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृव में हमेशा देश के प्रतीकों का सम्मान हुआ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज 'मेरी माटी मेरा देश' कार्यक्रम के तहत देश भर से मिट्टी एकत्रित करने के चलाई जा रही अमृत कलश यात्रा में भाग लिया। शिमला शहरी विधानसभा के जाख़ू वार्ड स्थित जोधा निवास के आस पास से उन्होंने दिल्ली में बनाई जाने वाली 'अमृत वाटिका' के लिए मिट्टी एकत्र की। अमृत कलश यात्रा में जयराम ठाकुर अश्वनी मनोचा, अशोक मनोचा, अनिला कश्यप सूद, वीना भाटिया, नंदन चोपड़ा, केवल कृष्ण सचदेवा के यहां से अमृत कलश में मिट्टी एकत्र की। उनके साथ मंडल अध्यक्ष सुनील धर, डॉ. सपना कश्यप, प्रत्याशी संजय सूद, गणेश दत्त, किमी सूद, अनूप वैद, अजय सरना, बिट्टू पाना, गगन लखनपाल, श्रवण शर्मा, पिंकी गोयल, विजय चौहान, गोपाल सूद, राजन अग्रवाल, शैली शर्मा, दीपक, शुभ महाजन आदि पदाधिकारी व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि देश के कोने-कोने से एकत्र की हुई मिट्टी को देश की राजधानी में बनने वाली अमृत वाटिका में इस्तेमाल किया जाएगा। देश के अमर बलिदानियों को सच्ची श्रद्धांजलि देने का इससे अच्छा तरीक़ा नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के महान विभूतियों को हमेशा सर्वोच्च सम्मान दिया है। भारत के एकीकरण के सबसे बड़े नायक लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के लिए प्रधानमंत्री द्वारा देशसे लोहा एकत्र करके 'स्टैच्यू ऑफ़ यूनिटी. का निर्माण किया गया। इसी तरह देश के अमर बलिदानियों के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने 'राष्ट्रीय समर स्मारक' का निर्माण करवा कर देश के अमर बलिदानियों को समर्पित किया है।
कहा- चयन आयोग के माध्यम से की जाएगी 6000 हजार शिक्षकों की भर्ती नादौन में मुख्यमंत्री संबल योजना के शुभारंभ पर जनसभा को किया संबोधित पेपर लीक मामले में भंग किए गए कर्मचारी चयन आयोग की जगह जल्द ही हमीरपुर में राज्य चयन आयोग का गठन किया जाएगा। कहा कि 6,000 हजार शिक्षकों की भर्ती चयन आयोग के माध्यम से की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गृह जिले हमीरपुर के नादौन में मुख्यमंत्री संबल योजना के शुभारंभ पर जनसभा को संबोधित करते हुए कही। कहा कि जल्द कैबिनेट बैठक होने वाली है। तीन हजार अभी भरे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चिट्टे व अन्य तस्करी को राकने के लिए स्पेशल कमांडो फोर्स का गठन किया जा रहा है। इसमें 1200 पद भरे जाएंगे। इसी साल 10 हजार पद भरे जाएंगे इसी साल करीब 10 हजार पद भरे जा रहे हैं। इसमें आपदा के चलते समय लग रहा है। लेकिन अगले दो महीनों के भीतर राज्य चयन आयोग का गठन कर भर्ती परीक्षाएं शुरू की जाएंगी। सीएम ने कहा कि अब कोई पेपर लीक नहीं होगा, कोई भर्ती परीक्षा रद्द नहीं होगी। जो भी भर्ती होगी, पारदर्शी तरीके से कंप्यूटर के माध्यम से होगी। परीक्षा देने के एक हफ्ते के भीतर परिणाम जारी होगा। जिन अभ्यर्थियों का रिजल्ट आठ महीनों या दो साल से लंबित है, उन्हें आयु में भी छूट दी जाएगी ताकि वे भी भर्तियों के लिए आवेदन कर सके। दिव्यांग बच्चों को अब प्रति माह मिलेंगे 1 हजार रुपये इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गृह जिला हमीरपुर के नादौन में मुख्यमंत्री संबल योजना का शुभारंभ किया। गौना करौर स्थित राज्य शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में आयोजित कार्यक्रम में विशेष रूप से सक्षम जिला हमीरपुर के 120 से ज्यादा दिव्यांग बच्चों को सहायता उपकरण भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शिक्षकों और बच्चों लिए चार अन्य कार्यक्रम भी लांच किए। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी में दिव्यांग बच्चों को दो प्रतिशत का आरक्षण दिया है। दिव्यांग बच्चों को अब 1 हजार रुपये की राशि मासिक मिलेगी। अगले बजट में इसका प्रावधान करेगी। आने वाले पांच सालों में सभी गारंटियों को पूरा करेंगे। हिमाचल को अपने पैरों पर खड़ा होना पड़ेगा पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि आपदा में केंद्र से कोई राहत नहीं मिली, लेकिन राज्य सरकार ने सड़कों व पानी की स्कीमों को खोलकर रखा, 75 हजार पर्यटकों को सुरक्षित निकाला। आपदा से 12 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। हिमाचल को अपने पैरों पर खड़ा होना पड़ेगा, आत्मनिर्भर होना पड़ेगा। इसके लिए व्यवस्था परिवर्तन करना होगा। कुछ विभागों में यह पहल हो चुकी हैं। पहली बार लोक निर्माण विभाग व आईपीएच में विकास कार्यों के टेंडर 60 दिन के बजाय 20 दिन में जारी हो रहे हैं। पहली बार है कि आपदा में लोक निर्माण विभाग में तीन दिन के भीतर टेंडर लगाकर सड़कें खुलवाई गईं। हमारी सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करेगी।
भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने मेरा देश, मेरी माटी कार्यक्रम में शिमला ग्रामीण की नालदेहरा पंचायत में भाग लिया। इस कार्यक्रम के मध्यम से प्रदेश के कोने-कोने से दिल्ली को माटी भेजी जाएगी, जिससे अमृतवन का निर्माण होगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने नेता राजेंद्र राणा से टिप्स लेेने चाहिए और इनपर अमल भी करना चाहिए। उन्होंने कहा की सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा ने फिर से अपनी ही सरकार पर हमला बोलते हुए कटघरे में खड़ा किया है। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी द्वारा विपक्ष में रहते जनहित में उठाए गए मुद्दों की याद दिलाई तथा उन्हें पूरा करने का सुझाव दिया है। पत्र में उन्होंने सीएम से अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को बहाल करने, भर्ती परीक्षाओं के लटके परिणाम घोषित करने, पुलिस भर्ती व फर्जी डिग्री मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया है। यह सभी सुझाव अति महत्वपूर्ण हैं और इन सुझावों पर कांग्रेस पार्टी को गंभीरता से काम करना चाहिए। कश्यप ने कहा कि इससे पहले भी विधायक राणा ने सोशल मीडिया पर सरकार पर हमला बोला था, जिस पर कांग्रेस के विधायक सुधीर शर्मा ने कमेंट किया था। कश्यप ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने पूर्व में आउटसोर्स व करुणामूलक के हक की भी आवाज उठाई थी। राणा ने पत्र के माध्यम से याद दिलाया कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस ने आउटसोर्स कर्मचारियों व करुणामूलक आधार पर नौकरी पाने के लिए संघर्ष कर रहे युवाओं के हक की आवाज उठाई थी। अब करुणामूलक आधार पर नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं को सरकार से न्याय की उम्मीद है। राणा ने कहा है कि कोरोना महामारी के दौर में नर्सिंग स्टाफ (कोरोना वॉरियर्स) का हित और भविष्य सुरक्षित रहना चाहिए तथा उनके साथ परा न्याय होना चाहिए। कश्यप ने कहा कि कांग्रेस को नेताओं को अपने विधायक और अपने कांग्रेस के नेता से सीख लेनी चाहिए।
हिमाचल प्रदेश प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने शिक्षक दिवस से एक दिन पूर्व राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। इस बार 13 शिक्षकों को इस पुरस्कार से नवाजा जाएगा। चयनित शिक्षकों को मंगलवार को राजभवन शिमला में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल सम्मानित करेंगे। शिक्षकों के यह पुरस्कार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और विद्यार्थियों को पढ़ाने में विशेष रुचि लेने के लिए दिया जा रहा है। इनमें से तीन शिक्षकों को सरकार की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य के लिए शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया। पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों की सूची शिक्षक का नाम स्कूल का नाम पद अमर चंद चौहान जीएसएसएस आनी प्रिंसिपल दीपक कुमार जीबीएसएसएस चंबा प्रवक्ता बायोलॉजी अशोक कुमार जीबीएसएसएस मंडी प्रवक्ता वाणिज्य कृष्ण लाल जीएसएसएस बजौरा डीपीई हेम राज जीएसएसएस हिमरी शिमला टीजीटी नॉन मेडिकल कमल किशोर जीएसएसएस त्यूरी ऊना कला शिक्षक नरेश शर्मा जीपीएस गिरथरी मुख्य शिक्षक प्रदीप कुमार जीपीएस सलोह जेबीटी शिव कुमार जीपीएस ककराना जेबीटी कैलाश सिंह शर्मा जीसीपीएस लालपानी जेबीटी किशोरी लाल उप शिक्षा निदेशक कार्यालय हमीरपुर सीएचटी दलीप सिंह जीएसएसएस वसवानी प्रवक्ता अंग्रेजी हरि राम शर्मा जीएमएसएसएस नेरवा प्रिंसिपल
विकास कार्यों में तेजी लाने और सभी परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यक्रमों के कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए आज यहां आयोजित प्रशासनिक सचिवों की मंडे मीटिंग की अध्यक्षता की। उन्होंने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय में सभी फाइलें ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से भेजी जाए। इससे समय की बचत होगी और कार्यों को शीघ्र निपटाने में मदद भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग द्वारा प्रदान की जाने वाली सभी जन सेवाओं के लिए ऑनलाइन प्रणाली समयबद्ध कार्यान्वित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गवर्नेंस में सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग को विशेष अधिमान दे रही है। इससे प्रशासन में पारदर्शिता के साथ-साथ दक्षता भी सुनिश्चित होती है। उन्होंने सभी नगर निगमों और शहरी स्थानीय निकायों का पूर्णतया डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने को भी कहा। इससे लोगों को अधिकांश सेवाएं ऑनलाइन माध्यम से उनके घर में ही प्राप्त हो सकेंगी। मुख्यमंत्री ने नींबू प्रजाति फल उत्पादन बहुल क्षेत्र में अतिरिक्त जूस से साइडर बनाने के लिए आधुनिक संयंत्र स्थापित करने की संभावनाएं तलाश करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए उन्होंने शिमला, रिज स्थित पुस्तकालय के खुलने का समय बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, राजीव गांधी रोजगार योजना सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा भी की। बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, विभिन्न प्रधान सचिव और अन्य सचिव उपस्थित थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि राष्ट्र निर्माण व समाज में शिक्षकों का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा है कि देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन पर हर वर्ष 5 सितंबर को शिक्षकों के सम्मान में इस दिन को मनाया जाता हैं। उन्होंने कहा कि यह दिवस भारत के पूर्व राष्ट्रपति और शिक्षा शास्त्री डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिन पर उनके सम्मान में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जीवन मे सफलता प्राप्त करने के लिए हमें शिक्षको का सम्मान करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कनाडा के कैलगरी में आयोजित हिमाचली धाम कार्यक्रम को वर्चुअली किया संबोधित मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला से वर्चुअल माध्यम से कनाडा में हिमाचली एसोसिएशन ऑफ अल्बर्टा, कैलगरी द्वारा आयोजित 'हिमाचली धामÓ कार्यक्रम को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विदेशों में रह रहे हिमाचलियों को अपनी समृद्ध विरासत और संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जीवंत संस्कृति के अग्रदूत के रूप में प्रवासी हिमाचली विश्व भर में प्रशंसनीय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को राज्य की परंपराओं और संस्कृति से परिचित करवाने में इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण हैं और इससे युवा अपनी संस्कृति के प्रति और अधिक जुड़ाव महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विश्व भर में रह रहे हिमाचलियों और उनकी मातृभूमि के मध्य अटूट बंधन का भी प्रतीक हैं। उन्होंने प्रदेश से दूर रहने के बावजूद हिमाचल की संस्कृति के संरक्षण में एसोसिएशन के प्रयासों की सराहना की। हिमाचली एसोसिएशन ऑफ अल्बर्टा के अध्यक्ष, अमित शर्मा ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से एसोसिएशन हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत के संवर्द्धन के साथ-साथ भौगोलिक दूरियों को कम करते हुए हिमाचल के प्रवासियों और निवासियों के मध्य संबंधों को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के कैलगरी में वार्षिक हिमाचली धाम के आयोजन ने हिमाचलियों को राज्य की समृद्ध परंपराओं, स्वादिष्ट व्यंजनों, मधुर संगीत और मनमोहक नृत्य के प्रदर्शन ने एकजुट किया है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए कनाडा के अल्बर्टा प्रांत से बड़ी संख्या में प्रवासी हिमाचली कैलगरी में एकत्र हुए।


















































