देश के 75वें गणतंत्र दिवस के महत्वपूर्ण अवसर पर टीएचडीसीआईएल प्रबंधन ने कॉरपोरेट कार्यालय, ऋषिकेश में निगम के संशोधित विजन, मिशन और मूल्यों के साथ-साथ अत्याधुनिक शिक्षण प्रबंधन प्रणाली ई-ज्ञान संचय जैसी अभूतपूर्व पहल का अनावरण करके एक नए युग की शुरुआत की। अनावरण समारोह के दौरान आरके विश्नोई, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, टीएचडीसीआईएल ने कहा कि निगम के नए विजन, मिशन और मूल्य समसामयिक आदर्शों के साथ जुड़े रहने और हमारे भावी प्रयासों के लिए एक मजबूत आधार सुनिश्चित करने की टीएचडीसीआईएल की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। अध्यक्ष विश्नोई ने कंपनी की प्रगति और समृद्धि में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। इन सिद्धांतों को मजबूत करने की दिशा में विश्नोई ने कॉर्पोरेट कार्यालय में कर्म मूल्य पार्क की नींव भी रखी। यह प्रतीकात्मक कार्य टीएचडीसीआईएल के विजन, मिशन और मूल मूल्यों के सार को उजागर करता है, जो इसके मार्गदर्शक सिद्धांतों के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता की एक ठोस अभिव्यक्ति के रूप में कार्य करता है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर विश्नोई ने अत्याधुनिक शिक्षण प्रबंधन प्रणाली ई-ज्ञान संचय का भी उद्घाटन किया। इस ई-पोर्टल को लॉन्च करना विद्युत उत्पादन और उससे आगे के गतिशील क्षेत्र में नेतृत्व करने के लिए आवश्यक व्यापक ज्ञान और कौशल के साथ अपने कार्यबल को सशक्त बनाने की टीएचडीसीआईएल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ई-ज्ञान संचय के माध्यम से, टीएचडीसीआईएल अपने मानव संसाधन को नवीनतम अंतर्दृष्टि और शक्तियों के साथ सशक्त बनाने, निरंतर सीखने और उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए तैयार है। यह पहल सभी संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए कंपनी के समर्पण को रेखांकित करती है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि इसका कार्यबल ऊर्जा परिदृश्य की लगातार बदलती व्यावसायिक गतिशीलता के लिए कुशलता के साथ तैयार रहे। टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड 1587 मेगावाट की संस्थापित क्षमता के साथ देश में प्रमुख विद्युत उत्पादक है, इसमें उत्तराखंड में टिहरी बांध और एचपीपी (1000 मेगावाट), कोटेश्वर एचईपी (400 मेगावाट), गुजरात के पाटन में 50 मेगावाट और द्वारका में 63 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजनाएं, उत्तर प्रदेश के झांसी में 24 मेगावाट के ढुकुवां लघु जल विद्युत परियोजना, केरल के कासरगोड में 50 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना की सफलतापूर्वक कमीशनिंग को इसका श्रेय जाता है
** यू-टयूब पर हाल ही में रिलीज हुआ हिमांशु शर्मा का नया गीत हिमाचल प्रदेश के मशहूर लोक गायक धमेंद्र शर्मा के पुत्र हिमांशु शर्मा का नया गीत 'झुरिये जाणे री जिद न केरे' दर्शकों की जुबां पर चढ़ गया है। गीत को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। इस गीत को देसी चैनल कुल्लू के बैनर तले रिलिज किया गया है। इस गीत में उभरते हुए लोक गायक हिमांशु शर्मा ने अपनी मधुर आवाज दी है, जबकि संगीत संदीप ठाकुर ने दिया है। खास बात यह कि गीत को धर्मेंद शर्मा ने ही लिखा है। झुरिये जाणे री जिद न केरे गीत में अभिनय नरेंद्र ठाकुर और शिवानी शर्मा ने किया है। बाराहार क्षेत्र के तहत आने वाले खूबसूरत गांव लोट में इस गीत की शूटिंग की गई है। हिमांशु शर्मा का कहना है कि वे अपने पिता के तरह कुल्लवी संस्कृति के प्रसार व प्रचार के लिए प्रयास कर रहे हैं।
** कार्यक्रम में पेखड़ी के उप प्रधान वीरेंद्र भारद्वाज रहे मुख्य अतिथि ** बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम किए प्रस्तुत, विजेताओं को बांटे इनाम जिला कुल्लू के उप मंडल बंजार की दूरदराज पंचायत पेखड़ी के नाहीं गांव में गणतंत्र दिवस समारोह बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पंचायत पेखड़ी के उप प्रधान वीरेंद्र भारद्वाज बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण कार्यक्रम के पश्चात स्थानीय महिला मण्डल, युवक मंडल और छोटे छोटे बच्चों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर नृत्य प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, रस्साकशी और अन्य खेलों का आयोजन किया गया। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क के ईको जोन में स्थित यह गांव अब तक सड़क सुविधा से महरूम था। हालांकि सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। अगले वर्ष तक इस गांव के सड़क सुविधा से जुड़ने की लोगों को उम्मीद बनी हुई है।
** सीपीएस ने हाटकोट में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में सुनी लोगों की समस्याएं मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण,स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि सोलन ज़िला के कुनिहार क्षेत्र में समुचित स्थान उपलब्ध होने पर आधुनिक सुविधा युक्त अस्पताल निर्माण किया जाएगा। इस अस्पताल के लिए भूमि उपलब्ध होने पर समुचित धनराशि प्रदान की जाएगी। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हाटकोट में आयोजित 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि वर्तमान में विभिन्न कारणों से कुनिहार स्थित अस्पताल के विस्तार की सम्भावना न्यून हैं। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं करवाने के लिए आवश्यक है कि कुनिहार क्षेत्र में आधुनिक सुविधा युक्त अस्पताल स्थापित किया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत हाटकोट, ग्राम पंचायत कोठी और ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि इस क्षेत्र में अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि कुनिहार स्थित नागरिक अस्पताल में शीघ्र ही एम.डी मेडिसन विशेषज्ञ की तैनाती की जाएगी। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश में त्रि-स्तरीय स्वास्थ्य देखभाल अधोसंरचना विकसित करने पर 1620 करोड़ रुपए व्यय करेगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालयों के महत्वपूर्ण विभागों में चरणबद्ध तरीके से रोबोटिक्स शल्य चिकित्सा आरम्भ करने पर 100 करोड़ व्यय होंगे। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के प्रत्येक जन को आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने और सभी को समयबद्ध न्याय दिलवाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में विकास की अनेक योजनाएं आरंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि पिपलूघाट के समीप सवावा गांव से बाड़ीधार तक रोप-वे एवं केबल कार की स्थापना पर 150 करोड़ रुपए व्यय होंगे। यह परियोजना रोज़गार एवं स्वरोज़गार के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगी और अर्की विधानसभा क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि जलाणा में 50 बीघा भूमि पर निर्मित होने वाला राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल गुणावत्तायुक्त शिक्षा का श्रेष्ठ केंद्र बनेगा। राजकीय महाविद्यालय अर्की में एमए अंग्रेजी एवं इतिहास की कक्षाएं आरंभ होने से विशेष रूप से लड़कियां लाभान्वित होंगी।
सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित प्रसिद्ध आईईसी यूनिवर्सिटी ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी हिमाचल राज्यत्व दिवस और गणतंत्र दिवस के अवसर पर 'बीबीएन बाइक राइड' का सफल आयोजन किया। दो दिवसीय इस कार्यक्रम से युवाओं को नशे से दूर रहकर मातृभूमि के सम्मान का संदेश दिया गया। इस भव्य बाइक रैली का आयोजन 25 जनवरी को दिल्ली से आईईसी यूनिवर्सिटी तक तथा अगले दिन 26 जनवरी को आईईसी यूनिवर्सिटी से बद्दी होते हुए वापिस दिल्ली तक, पूरे सुरक्षा इंतजामों के बीच हुआ। हिमाचल बाय हार्ट, इंडियन बाय स्पिरिट थीम पर आयोजित इस बाइक राइड में 60 से अधिक बाइकर्स और अन्य ने हिस्सा लिया है। 26 जनवरी की सुबह आईईसी यूनिवर्सिटी के प्रांगण में ध्वजारोहण कर सभी ने देश के हित में कार्य करते रहने का प्रण लिया। इस अवसर पर छात्रों द्वारा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। आईईसी यूनिवर्सिटी के कुलपति श्री प्रो0 अशोक पुरी ने इस मेगा इवेंट को सफल बनाने के लिए मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व तथा नगर नियोजन) श्री राम कुमार चौधरी जी के पुत्र श्री अजितेश चौधरी जी का इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने के लिए आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में पंचकूला के प्रसिद्ध ध्वनि सामाजिक जागरूकता मंच के सहयोग से नशा भगाओ हिमाचल बचाओ विषय पर आधारित संगीत समारोह का भी आयोजन किया जायेगा। संगीत समारोह में उपस्थित सभी 12 कलाकारों ने हिमाचली, पंजाबी व हिंदी गीतों और कविताओं के साथ खूब समां बंधा। आईईसी यूनिवर्सिटी के प्रबंधन ने मंगलामुखी समाज की अध्यक्ष काजल मंगलामुखी, युवा एवं सांस्कृतिक कल्याण समिति के अध्यक्ष मयूर सिंह, हिट चैरिटेबल ट्रस्ट से हितेश पाहवा, ध्वनि सामाजिक कल्याण एवं सांस्कृतिक कल्याण सोसायटी के अध्यक्ष विशाल खुल्लर, आई हेट पॉलिथीन से डॉ. वनीत गुप्ता और पुलिस के सहयोग की भी सराहना और धन्यवाद किया। इस मेगा इवेंट में दिल्ली के प्रसिद्ध डीआर ई आर (दिल्ली रॉयल एनफील्ड राइडर्स) बाइकर्स ग्रुप के सदस्यों के साथ आईईसी यूनिवर्सिटी के छात्रों और प्राध्यापकों ने भी बढ़ चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
** प्रोजेक्ट के तहत नशे से दूर रहने के लिए आयोजित किये कई कार्यक्रम बीएल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार मेें राज्य मुख्यालय हिमाचल प्रदेश भारत स्काउट एंड गाइड के प्रोजेक्ट निश्चय के अंतर्गत कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों को करवाने के लिए विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और विद्यार्थियों को इस तरह के सभी कार्यक्रमों को विद्यालय में करने के लिए प्रोत्साहन दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम लाल गुलेरिया व मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा ने इस प्रोजेक्ट की गतिविधियों का आगाज करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और देश के प्रति अपने कतव्य को निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशे जैसी कुरीतियों को समाज से दूर करने में सभी अपना योगदान दें। वहीं, गाइड कप्तान पिंकी कुमारी द्वारा सभी विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट निश्चय के अंतर्गत आने वाली गतिविधियों से अवगत करवाया और विद्यार्थियों से इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों बारे में बताया गया। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत पाठशाला से सेवानिवृत्त गाइड कप्तान किरण लेखा जोशी ने बच्चों को नशे के बारे में जानकारी दी। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत बच्चों के द्वारा रैली व चित्रकला के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
** 33 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास किए ** मरवाड़ी स्कूल का किया दौरा, बच्चों के साथ खिंचवाई सेल्फी ** स्केल के खेल का मैदान को चौड़ा करने के लिए 10 लाख देने की घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला ऊना के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान गगरेट विधानसभा क्षेत्र के लिए 33.26 करोड़ रुपए की तीन विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास किए, जिसमें 19.49 करोड़ रुपए की लागत से गगरेट में बनने वाले मिनी सचिवालय, 11.28 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मरवाड़ी-जोह पुल तथा 2.49 करोड़ रुपए की लागत से गोंदपुर बनेहड़ा-घनारी लिंक रोड़ पर कुनेरन खड्ड पर बनने वाले पुल शामिल हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बड़ा भंजाल में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की और जन समस्याएं सुनी। कार्यक्रम के दौरान कुल 122 शिकायतें व मांग पत्र प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री ने गगरेट में डीएसपी कार्यालय, दौलतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र को नागरिक अस्पताल बनाने, भंजाल स्टेडियम के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जमीन उपलब्ध हो जाने के बाद गगरेट में कॉलेज खोला जाएगा। जिला ऊना में राजस्व लोक अदालतों में इंतकाल के 3713 तथा तकसीम के 1107 लंबित मामले निपटाए गए हैं। इसके अतिरिक्त आपदा के दौरान जिला में 55 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए, जबकि 298 घरों को आंशिक रूप से नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को अब तक 4.10 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरवाड़ी का अचानक दौरा भी किया। मुख्यमंत्री कक्षाओं में भी गए और विद्यार्थियों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने स्कूल के खेल मैदान को चौड़ा करने के लिए दस लाख देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग को स्कूल के पुराने भवन की मरम्मत करने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण प्राप्त हो सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार लाने का प्रयास कर रही है, ताकि उन्हें गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध हो सके। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हर विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोल रही है। उन्होंने कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी मीडियम में पढ़ाई होगी। स्कूलों को स्मार्ट यूनिफार्म चुनने की आजादी दी जाएगी और क्लस्टर बनाकर संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सभी प्रयासों के नतीजे आने में समय लगेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। मुख्यमंत्री का स्नेह पाकर विद्यार्थी उत्साह से भर गए।
लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग में शीघ्र आलीशान प्रेस क्लब भवन का निर्माण होगा। इसके लिए औपचारिकता पूरी की जा रही है। इस विषय को लेकर प्रेस क्लब केलांग व प्रेस क्लब ऑफ कुल्लू की एक सामूहिक बैठक हुई। बैठक में नॉर्थ इंडिया पत्रकार एसोसिएशन हिमाचल के राज्य अध्यक्ष एवं प्रेस क्लब कुल्लू के प्रधान धनेश गौतम, प्रेस क्लब केलांग के महासचिव कुंदन शर्मा, लोक संपर्क अधिकारी कुल्लू एवं लाहुल-स्पीति नरेंद शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि लाहौल-स्पीति जिला अटल टनल रोहतांग के बाद पर्यटन का हब बनता जा रहा है और यहां पर देश-विदेश के पर्यटकों के अलावा देश-विदेश का मीडिया, लेखकों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। इसलिए जिला में प्रेस की भूमिका भी बढ़ी है। जिस कारण यहां प्रेस क्लब भवन का होना वर्तमान की आवश्यकता है। बैठक में निर्णय लेते हुए जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है कि शीघ्र डीपीआर के नाम भूमि स्थानांतरित की जाए, ताकि जिला मुख्यालय केलांग में प्रेस क्लब भवन का निर्माण किया जा सके।
** तीन एचपीएस अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय शिमला बुुलाया सिविल सर्विस बोर्ड की सिफारिशों पर हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने छह आईपीएस और तीन एचपीएस अधिकारियों के ट्रांसफर और तैनाती आदेश जारी किए हैं। डीआईजी प्रमोट होने के बाद तैनाती का इंतजार कर रहे आईपीएस अधिकारी मोहित चावला डीआईजी साइबर क्राइम शिमला के पद पर तैनात किए गए हैं। वहीं, इल्मा अफरोज को एसपी पुलिस जिला बद्दी लगाया है। तैनाती का इंतजार कर रहे आईपीएस अधिकारी सचिन हिरेमथ एस को एडीपीओ बड़सर हमीरपुर, तिरुमलाराजू एसडी वर्मा एसडीपीओ रामपुर, शिवानी मेहता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंबा और अदिति सिंह को एसडीपीओ पांवटा साहिब तैनात किया गया है। वहीं, एचपीएस अधिकारी लालमन, विनोद कुमार-2, महेंद्र ठाकुर को तुरंत पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने को कहा गया है। इन एचपीएस अधिकारियों के तैनाती आदेश जल्द जारी किए जाएंगे। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से अधिसूचना जारी की गई है।
** राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राजभवन में दिलाई शपथ ** बोले, भर्तियों में पारदर्शिता लाना रहेगी प्राथमिकता हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन में आयोजित एक समारोह में देव राज शर्मा को हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी उपस्थित थे।राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा ने कार्यवाही का संचालन किया। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, हिमाचल लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष रामेश्वर सिंह ठाकुर, मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष पी.एस.राणा, राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त आर.डी.धीमान, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, लोक सेवा आयोग के अन्य सदस्य, हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, देव राज शर्मा के परिवार के सदस्य और अन्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
75वें गणतंत्र दिवस का उपमंडल स्तरीय समारोह भरमौर हेलीपैड में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त भरमौर नवीन तंवर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस व एनएसएस की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक परेड की सलामी ली। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त भरमौर द्वारा उपमंडल भरमौर के समस्त विभागों मे उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस मुहिम के तहत उपमंडल भरमौर के वर्ष 2023 मे उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी ओमप्रकाश जरियाल, उपमंडल रोजगार कार्यालय भरमौर, अवनीश कुमार तहसील कार्यालय भरमौर, विनोद कुमार, रविंदर कुमार रीडर, विशाल चौधरी एसडीओ लोक निर्माण विभाग भरमौर, डॉ. मनोहर लाल उद्यान विभाग अधिकारी, पंकज कुमार, पवन कुमार, पवन कुमार, अभिनय कुमार कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग भरमौर आदि इस सूची में शामिल रहे। इन सभी कर्मचारियों को गणतंत्र दिवसके अवसर पर मुख्य अतिथि नवीन तंवर अतिरिक्त उपायुक्त भरमौर द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
26 जनवरी के गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा में आयोजित हुए परेड समारोह में शामिल होने के लिए पुलिस मुख्यालय शिमला द्वारा द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी सकोह के जवानों की एक टुकड़ी को नियुक्त किया गया था, जिसमें एसीओ मनोज कुमार की अगुआई में कुल 35 जवानों ने इस परेड में भाग लिया। परेड का नेतृत्व एएसआई सतीश कुमार द्वारा किया गया। उक्त परेड में कुल 13 कंर्टिजेंट्स ने भाग लिया था, जिसमें द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी सकोह के जवानों द्वारा परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करके सर्वश्रेष्ठ कंर्टिजेंट पुरस्कार हासिल किया। पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, डॉ. खुशहाल शर्मा समादेशक द्वितीय भारतीय आरक्षित वाहिनी व सभी अधिकारियों ने परेड में शामिल सभी जवानों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बीहन में शुक्रवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में ढलियारा वार्ड से जिला परिषद सदस्य ईशान शर्मा मुख्य अतिथि रहे। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम के साथ हुई। प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने सालाना रिपोर्ट मुख्य अतिथि के समक्ष रखी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। वहीं, मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे लक्ष्य निर्धारित कर जीवन में आगे बढ़ें। इस दौरान उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार भी बांटे। ईशान ने बीहन स्कूल को 21 हजार रुपये दिए। साथ ही दो पंखे भी भेंट किए। प्राथमिक पाठशाला बीहन और नंगल के लिए भी दो दो पंखे भेंट किए। साथ ही बीहन स्कूल, प्राइमरी स्कूल नंगल और हुसैन अकादमी को दो-दो सोलर लाइटें भेंट कीं। समारोह में होशियार सिंह, अशोक कुमार, राजिदंर कुमार, विजय पाल सिंह, अनिल डोगरा, तरसेम ठाकुर, अनिल कुमार और रेखा आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कला को बढ़ावा देने के क्षेत्र में विशिष्ट सेवाएं प्रदान करने के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा अनुमोदित पद्मश्री अवॉर्ड के लिए चुने जाने पर सोमदत्त बट्टू को बधाई दी। शिमला के प्रसिद्ध गायक सोमदत्त बट्टू को शास्त्रीय संगीत को बढ़ावा देने में उनके असाधारण योगदान के लिए पद्मश्री अवॉर्ड दिया जाएगा।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजभवन में 'एट होम' कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी पत्नी कमलेश ठाकुर के साथ उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, अध्यक्ष एचपीटीडीसी आरएस बाली, मुख्य संसदीय सचिव, मोहन लाल ब्राक्टा और संजय अवस्थी, प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, अध्यक्ष मानवाधिकार आयोग पी.एस.राणा, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, पूर्व मंत्री, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, स्वतंत्रता सेनानी, शहर के प्रमुख व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक, पुलिस और सैन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
सदवां लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल रक्कड़ में 75वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्ष उल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम में स्कूल के निदेशक अश्वनी कुमार, प्रबंधक गुरपाल सिंह पठानिया और देशराज ने शिरकत की। निदेशक अश्विनी कुमार ने प्रधानाचार्य पंकज शर्मा की उपस्थिति में स्कूली बच्चों के साथ तिरंगा फहराया और सभी कर्मचारियों और बच्चों को मिठाइयां वितरित कीं। वहीं, प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने सभी स्टाफ और बच्चों को इस शुभ अवसर की बधाई दी।
** आपदा के समय लोगों को तुरंत राहत प्रदान करने में काम आती है विधायक निधि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा विधायकों की विधायक निधि रोकने का फैसला सिर्फ प्रदेश के लोगों को परेशान करने के लिए किया गया है। सरकार ख़ुद कुछ कर नहीं रही है, इसलिए वह चाहती है कि विधायकों को भी कुछ करने से रोका जाए। उन्होंने कहा कि विधायक निधि से हर विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में अत्यावश्यक विकास कार्यों को करने के लिए धनराशि जारी करते थे, जिससे बहुत से जनहित के कार्य समय पर संपन्न हो जाते थे और लोगों को बहुत राहत मिलती थी। सड़के, रिटेंशन वॉल, ब्रिज, जल निकासी, जैसे न जाने कितने विकास कार्यों को बिना लंबी कागजी प्रक्रिया के व्यापक जनहित को देखते हुए तुरंत किया जा सकता है, लेकिन राज्य सरकार ने विधायक निधि को रोककर जनप्रतिनिधियों को विकास के कार्य करने से रोक रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश आपदा के दौर से गुजर रहा है। इतने दिनों बाद भी सरकार लोगों को राहत पहुंचाने में नाकाम रही है। लोग चीख-चीख कर यह बातें आज मंत्रियों के सामने कह रहे हैं। ऐसे में विधायक निधि के माध्यम से आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के विकास से जुड़े कामों को आसानी से करवाया जा सकता था। इससे लोगों को आपदा के समय में तुरंत राहत मिलती। उन्होंने कहा कि अब मनमानी बहुत हो गई। जो मन में आया, बिना सोचे विचारे करने के लिए हिमाचल के लोगों ने कांग्रेस को सत्ता नहीं सौंपी है। लोगों ने कांग्रेस को मौक़ा दिया था कि वह बेहतर काम करे। विकास करे। लेकिन यह सरकार लोगों की अपेक्षाओं के विपरीत काम कर रही है। जयराम ठाकुर ने मांग की कि सरकार दो दिनों के अंदर विधायक निधि का रुका हुआ पैसा जारी करे। सोमदत्त बट्टू को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर दी बधाई जयराम ठाकुर ने हिमाचल के प्रसिद्ध गायक, पटियाला घराने की शान माने जाने वाले सोमदत्त बट्टू को पद्मश्री से सम्मानित किए जाने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सोमदत्त बट्टू पद्मश्री मिलना समूचे हिमाचल प्रदेश के लिये गर्व की बात है। सोमदत्त जी देश-विदेश में भारतीयता और हिमाचलियत के अग्रदूत रहे और संगीत की परंपरा को समृद्ध करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि यह और प्रसन्नता की बात है कि 86 साल की उम्र में भी सोमदत्त बट्टू संगीत के एक छात्र की तरह ही सक्रिय हैं और उनके शिष्य हिमाचल समेत देश भर में संगीत के क्षेत्र में बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।
हिमाचल मित्र मंडल मुंबई देशभर में हिमाचल की सबसे बड़ी संस्थाओं में से एक है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हिमाचल मित्र मंडल मुंबई ने 75वां गणतंत्र दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मेजर विपिन धीमान ने कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में मुंबई में रह रहे बहुत बड़े व्यवसायी, वरिष्ठ अधिकारी व कई व्यक्ति उपस्थित रहे। हिमाचल मित्र मंडल के अध्यक्ष मनोज अवस्थी ने बताया कि समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। यही नहीं, विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे हिमाचल प्रदेश के लगभग 70 छात्रों को सर्टिफिकेट के साथ छात्रवृत्ति भी प्रदान की गई। हाल ही में लोहड़ी के दिन मंडल के द्वारा एक क्रिकेट टूर्नामेंट करवाया गया था, जिसमें हिमाचली खिलाडियों की 10 टीमों ने भाग लिया, जिसमें विजयी टीम व् खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। हिमाचली बच्चों के द्वारा रंगारंग कार्यक्रम पेश किया गया। हिमाचल से बुलाए गए जाने माने लोकगायक मोहित गर्ग ने हिमाचल के शर्मा बैंड के साथ हिमाचली लोकगीतों की बहुत सुंदर प्रस्तुति दी और सभी को अपने गानों में नचाया। भारी तादात में लगभग 700 से ज्यादा लोगों ने कार्यक्रम में शिरकत की और बहुत व्यवस्थित तरीके से कार्यक्रम का आयोजन सम्पन्न हुआ। समारोह के आखिर में हिमाचली धाम का भी आयोजन किया गया।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर आयुष्मान भारत के तहत उत्कृष्ट कार्य करने के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन और महर्षि मारकण्डेश्वर अस्पताल एवं चिकित्सा महाविद्यालय को सम्मानित किया। उन्होंने सोलन के गौरव सभ्रवाल को केसर की खेती करने एवं युवाओं को इस विषय में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए सम्मानित किया। लोक निर्माण मंत्री ने गत वर्ष आई आपदा में सोलन में आपदा ग्रसित व्यक्तियों के लिए रहने, ठहरने व खाने-पीने की उचित व्यवस्था करने एवं समय पर राहत राशि प्रदान करने के लिए सुबाथू गमझून के कानूनगो राजेन्द्र कुमार, गमझून के पटवारी विक्रम, बसाल के पटवारी अतुल और शामती के पटवारी शुभम को सम्मानित किया। उन्होंने ज़िला पुलिस सोलन की डिटेक्शन टीम के उप निरीक्षक ज्ञान चंद, मुख्य आरक्षी वीरेन्द्र कुमार, मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार, मुख्य आरक्षी शुभम कुमार, मानक मुख्य आरक्षी राजेश कुमार, आरक्षी रोहित कुमार, मानक मुख्य आरक्षी भीम सिंह, आरक्षी हेमन्त कुमार, आरक्षी नवीन कुमार, आरक्षी पुनीत कुमार, आरक्षी अजय पाल और महिला आरक्षी रीना देवी को स्वापक औषधि और मन प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के अपराध क्षेत्रों में सौपें गए कार्यों को पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और लगन से करने के लिए सम्मानित किया। पुलिस अधीक्षक सोलन की अगुवाई में इस टीम के माध्यम से सोलन के विभिन्न पुलिस थानों में 50 से अधिक मामले एनडीपीएस के तहत दर्ज कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। आरोपियों से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ भी ज़ब्त किए गए। विक्रमादित्य सिंह ने पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी सदर सोलन हंस राज को पुलिस थाना परवाणु में थाना प्रभारी के रूप में तैनाती के दौरान एन.डी.पी.एस अधिनियम के तहत आरोपियों को पकड़ने और आपदा के समय राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 05 के अवरूद्ध होने के दौरान वैकल्पिक यातायात योजना को लागू करने में सराहनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया। उन्होंने उप पुलिस निरीक्षक, प्रभारी सोलन शहर चौकी आशीष कौशल को एन.डी.पी.एस के विभिन्न मामलों में कार्यवाही करने तथा एक व्यक्ति को आत्महत्या करने से रोक कर उसका जीवन बचाने के लिए सम्मानित किया। लोक निर्माण मंत्री ने सहायक पुलिस उप निरीक्षक, परवाणु थाना जागीर सिंह, पुलिस चौकी शहर सोलन में तैनात आरक्षी बाल कृष्ण, सोलन ज़िला साईबर इकाई में तैनात आरक्षी जगदीश कुमार, इसी इकाई में तैनात आरक्षी दयानंद को एनडीपीएस के तहत विभिन्न मामलों में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। उन्होंने अनुकरणीय सेवाओं को पुलिस चौकी सायरी में तैनात आरक्षी अनूप कुमार और पुलिस थाना कंडाघाट में तैनात सहायक उप निरीक्षक अमर सिंह को सम्मानित किया।
** शहीद स्मारक के लिए 3 लाख राशि देने की घोषणा की ** पूर्व सैनिकों के लिए भवन बनाने का ऐलान भी किया इंदौरा के शहीद स्मारक डाहकुलाडा में 75वां गणतंत्र दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। विधायक मलेंद्र राजन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे और ध्वजारोहण किया। अपने संबोधन में विधायक ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी व देश के स्वतंत्रता सेनानियों को उनके निस्वार्थ बलिदान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष और भारतीय संविधान के मुख्य वास्तुकार डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विद्यार्थियों और कर्मचारियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शोंं को आगे बढ़ाने की अपील की। विधायक ने शहीद स्मारक डाहकुलाडा के लिए 3 लाख की राशि व साथ ही बड़ा व भव्य स्मारक बनाने के लिए जमीन मुहैया करवाने की घोषणा की। इसके इलावा उन्होंने इंदौरा में पूर्व सैनिकों के लिए भवन बनाने की भी घोषणा की व विभागों को सैनिकों के कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने के आदेश दिए।
कुल्लू के ढालपुर मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय समारोह में सीपीएस सुंदर सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। पुलिस के उप निरीक्षक रूपलाल ने भव्य परेड का नेतृत्व किया। मार्चपास्ट में जिला पुलिस पुरुष व महिला, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, गृह रक्षा, एनसीसी आर्मी व एयरविंग, एनएसएस के अलावा हिमाचल प्रदेश गृह रक्षा बैंड ने भाग लिया। सीपीएस ने सभी जिलावासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस उन महान स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का दिन है, जिनके बलिदान के कारण हमने आजादी हासिल की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर समृद्ध हिमाचल बनाने की दिशा में प्रयासरत है। हिमाचल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने और 10 वर्षों में देश का सबसे अमीर राज्य की श्रेणी में शामिल हो इस दिशा में प्रदेश सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चुनाव के समय में किए गए वादों को चरणवद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन लागू करके प्रदेश के 1 लाख 36 हजार से अधिक कर्मचारियों को तोहफा दिया है। सीपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना आरंभ की है, जिसके तहत 4000 अनाथ बच्चों को चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट के रूप में अपनाया गया है। युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए 680 करोड़ की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना आरंभ की गई है योजना के तहत पहले चरण में ई-टैक्सी की खरीद पर 50 प्रतिशत का अनुदान का प्रावधान किया गया है। योजना के दूसरे चरण में शिक्षा विभाग में अध्यापकों के 5291 पद भरे जा रहे हैं इसके अलावा प्रवक्ता के 530 पद ,पुलिस विभाग में पुलिस कर्मियों के 1226 पद भरे जा रहे हैं, जिनमें महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण का भी प्रावधान किया गया है। जल शक्ति विभाग में विभिन्न श्रेणियां के 10000 पद भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला में गत वर्ष जुलाई माह में आई प्राकृतिक आपदा से भारी नुकसान के बाबजूद अभूतपूर्व विकास सुनिश्चित हुआ है। सीपीएस ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जिले को विशेष आपदा राहत पैकेज के तहत 45 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई ,इसके अलावा 10 करोड़ रुपए की राशि एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के तहत भी जारी की गई। जिले में में भयंकर आपदा के दौरान बाढ़ एवं भूस्खलन से लगभग 5000 लोग प्रभावित हुए थे जिन्हें अब तक लगभग 35 करोड़ रूपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि विशेष राहत पैकेज के तहत राहत राशी में कई गुना वृद्धि की गई । कच्चे व पक्के मकान के पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने पर दी जाने वाली राहत राशि 1 लाख 30 हजार रूपये की राशि को बढ़ाकर 7 लाख रुपये किया गया । उन्होंने कहा कि कुल्लू जिला में 52017 मनरेगा कार्ड धारकों को 2 लाख 27 हजार 502 कार्य दिवस सृजित कर रोजगार उपलब्ध करवाया गया। जिले में मनरेगा के तहत 22 हजार 662 कार्य स्वीकृत किये गए हैं जिनमें से 5802 कार्य पूर्ण कर लिये हैं। जिसके लिए 70 करोड़ 86 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में मनरेगा के तहत आपदा ग्रस्त क्षेत्रो में सामुदायिक स्तर के 3606 कार्यों के लिए 101 करोड़ 3 लाख की राशी स्वीकृत की गई है। जिले में मंनरेगा के तहत आपदा प्रभावित क्षेत्रों में व्यक्तिगत स्तर के कार्यों के लिए 177 करोड़ 58 लाख रूपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में गत एक वर्ष में नाबार्ड के तहत 22.56 करोड रुपए की तीन सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है इसी अवधि के दौरान केंद्रीय सड़क निधि से के तहत एक कार्य के लिए 38 करोड 86 लाख रुपए स्वीकृत किये गये। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इस दौरान सीपीएस ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों कर्मचारियों व अन्य संस्थाओं को भी सम्मानित किया।
** लोक निर्माण मंत्री ने जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में फहराया राष्ट्रीय ध्वज लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर हिमाचल का निर्माण करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में बेहतर सड़क नेटवर्क के माध्यम से विकास के लाभ जन-जन तक पहुंचाने, युवाओं के लिए रोज़गार एवं स्वरोजगार के अधिक अवसर सृजित करने और नवोन्मेषी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को विकास का आदर्श बनाने के लिए राज्य सरकार सतत् प्रत्यनशील है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को हरित राज्य बनाने के लिए कृत संकल्प है और इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए नवीन तकनीक का समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भावी पीढ़ियों को समृद्ध, सुरक्षित और विकसित हिमाचल प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है। विक्रमादित्य सिंह ने इससे पूर्व राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, गृहरक्षा, राष्ट्रीय कैडेट कोर और एनएसएस द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक आशीष कौशल ने परेड का नेतृत्व किया। उन्होंने कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की और से वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि गत वर्ष आई आपदा ने प्रदेश को आर्थिक रूप से काफी नुकसान पहुंचाया है। इस आपदा में बड़ी संख्या में मानवीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने आपदा से त्रस्त जन-जन को राहत पहुंचाने के लिए अपने संसाधनों से 4500 करोड़ का विशेष पैकेज जारी किया तथा मुआवज़ा राशि 25 गुणा तक बढ़ाई ताकि पीड़ित मानवता को राहत मिल सके। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल अब त्रासदी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि विभिन्न विकास कार्यों को गति मिले और रोज़गार तथा स्वरोज़गार के अधिक से अधिक अवसर सृजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोक निर्माण विभाग में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के 90 तथा वर्क इंसपेक्टर के 25 पद भरे जा रहे हैं। राजस्व विभाग में पटवारी के 874 तथा स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न श्रेणियों के 1450 पद भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से प्रवक्ताओं के 530 पद भरे जा रहे हैं। पुलिस विभाग में 1226 पुलिस कर्मियों की भर्ती की जाएगी। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों की बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लड़कियों की विवाह योग्य आयु को 18 वर्ष से बढ़ाकर 21 वर्ष करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की ग्रामोद्योग की परिकल्पना को साकार कर ही सही मायनों में गांव को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में सोलन जिला में सड़कों, पुलों एवं भवनों के निर्माण पर लगभग 62 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। ज़िला में नाबार्ड के तहत 36 करोड़ रुपए लागत की 06 सड़क योजना स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में उद्योग क्षेत्र को बढ़ावा देते हुए बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ को प्रदूषण मुक्त करवाने के लिए भी कार्य करना होगा।
दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से पांच दिवसीय श्री देवी कथा का भव्य आयोजन किया गया। कथा के तीसरे दिन सर्व श्री आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी त्रिपदा भारती ने देवी कथा को बहुत ही मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने श्रीमद् देवी भागवत महापुराण का एक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि मां जगदंबिका भवानी त्रिभुवन सुंदरी ने त्रिदेवों को सृष्टि के विस्तार का कार्य करने के लिए त्रिदेवी महालक्ष्मी, महासरस्वती, महाकाली को शक्तियां प्रधान की। मां का ऐसा करना हमें संदेश देता है कि जिस प्रकार सृष्टि का विस्तार देवी शक्ति के बिना नहीं हो सकता ठीक उसी प्रकार समाज का उत्थान भी नारी शक्ति के बिना संभव नहीं है। किन्तु आज समाज में नारी की स्थिति बहुत दयनीय हो गई है। जिस भारत की नारी विदुषी के रूप में सम्मानित होती थी व समाज का मार्गदर्शन किया करती थी। उस देश में आज नारी को केवल भोग की वस्तु समझा जा रहा है। अगर हम फिर से श्रेष्ठ समृद्ध सुसंस्कृति बनना चाहते है तो जरूरत है। हमें अपने नैतिक मूल्यों को जीवन में धारण करने की, जो केवल ब्रह्मज्ञान के द्वारा ही संभव हो सकता है। एक पूर्ण गुरु हमें दीक्षा देकर ईश्वर का दर्शन हमारे घट में करवाते हंै। इसलिए गुरु की परम आवश्यकता है हमारे जीवन में। इसके अतिरिक्त कथा में सुमधुर भजनों का गायन भी किया गया। कथा का समापन मां की मंगल आरती के साथ किया गया। आरती में विशेष रूप में सुदर्शन बबलू विधायक चिंतपूर्णी, वीरेंद्र कंवर पूर्व विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री, अजय गोस्वामी राघव ठाकुर, सतवीर आर एस एस, पवन ठाकुर, डॉक्टर रविंद्र कुमार प्रधान बीसीसी चिंतपूर्णी, एडवोकेट विकास कश्यप, नरेश बरोटिया प्रधान महाराणा कॉलेज, रितेश शर्मा पार्षद, राजेश कुमार पार्षद, रशद मोहम्मद प्रधान अलाप संकीर्तन, नितिन शर्मा, राजपाल शर्मा, सीता राम, संदीप शर्मा, अनिल तक्खी, सोनी, अश्वनी, एडवोकेट साहिल, एडवोकेट कोमल, महेश कुमार हाकम, शिव कुमार हाकम, सुनीता धीमान बीडीसी चेयरमैन, शिव कुमार हाकम, ज्योति, निर्मला, मीना शर्मा, नवदीप एडवोकेट सतीश कुमार गोस्वामी पार्षद, राज कुमार गोस्वामी, कुलदीप ठाकुर, ठाकुर स्वीट शॉप, रजनी शर्मा पंच, नीलम कुमारी प्रधान नेहरी, ममता देवी, अश्वनी धीमान, प्रिंसिपल पूनम अरोड़ा और भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
** प्रो. कुलवंत परमार व प्रो. कमल सिंह ने ली मार्चपास्ट की सलामी ** कर्मचारियों और छात्रों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का किया आह्वान राजकीय महाविद्यालय इंदौरा में 75वां गणतंत्र दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग व हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके बाद प्रो. कुलवंत परमार व प्रो. कमल सिंह द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया, जिसके बाद महाविद्यालय के एनसीसी कैडेट्स व एनएसएस वॉलंटियर्स द्वारा शानदार मार्चपास्ट किया गया। प्रोफेसर कुलवंत सिंह व डॉ. कमल सिंह ने कर्मचारियों व विद्यार्थियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। वहीं, भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की।अंत में तिरंगे के समक्ष राष्ट्रीय गान गाकर कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर प्रोफेसर कुलवंत सिंह डॉ. कमल सिंह, सोमराज व एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
जनजातीय जिला किन्नौर में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह जिला मुख्यालय के रिकांग पिओ के आईटीबीपी मैदान में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस समारोह की अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया व भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस विभाग के सब इंस्पेक्टर नवनीत सैणी ने किया। परेड में भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, हिमाचल पुलिस पुरूष व महिला, गृह रक्षा पुरूष व महिला, गृह रक्षा बैंड, एनसीसी व एनएसएस ईकाई के छात्रों की टुकड़ियों ने भाग लिया। इससे पूर्व आयोजन स्थल पहुंचने पर समारोह के मुख्य अतिथि का जिला प्रशासन व स्थानीय लोगों द्वारा पारम्परिक वाद्य यंत्रो के साथ भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि आज पूरे देश के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर देश को आजादी दिलवाने वाले स्वतंत्रता सैनानियों को भी याद किया। उन्होंने उन सभी शहीद जवानों को भी नमन किया जिन्होंने देश की रक्षा, एकता व अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कुर्बानियां दीं।
** धर्मशाला में उत्साह, उमंग व हर्षोल्लास से मनाया गणतंत्र दिवस ** विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस ग्राउंड में फहराया राष्ट्रीय ध्वज देश के 75वें गणतंत्र दिवस पर धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान पुलिस ग्राउंड में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस और होमगार्ड व एनसीसी की टुकड़ियों द्वारा निकाले गए आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले युद्ध स्मारक धर्मशाला में बलिदानी वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनकी स्मृतियों को नमन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि 26 जनवरी का दिन सभी भारतवासियों के लिए एक गौरवमयी दिवस है। वर्ष 1950 को इसी दिन भारत का महान संविधान प्रभावी हुआ था और देश में लोकशाही का स्वप्न साकार हुआ । उन्होंने संविधान निर्माताओं के साथ-साथ सभी स्वतंत्रता सेनानियों के तप, त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नमन किया, साथ ही देश की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखने में प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि सरहदों की रक्षा में हिमाचल के वीर सपूतों का अमूल्य योगदान रहा है कांगड़ा जिला के दो वीर जवानों को परमवीर चक्र से भी नवाजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि पर्यटन हमारी आर्थिकी का मुख्य जरिया है। प्राकृतिक, ग्रामीण, बागवानी, साहसिक तथा धार्मिक पर्यटन पर भी राज्य सरकार द्वारा विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे तथा ग्रामीण स्तर तक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पर्यटन परियोजनाओं को स्टार्ट-अप योजना से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में भी हिमाचल प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए वर्तमान सरकार निवेश को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है तथा प्रदेश के युवा सुरक्षा बलों व सैन्य बलों में सेवा करना अपनी शान समझते हैं। प्रदेश सरकार ने सैनिकों तथा पूर्व सैनिकों के परिवारों को अनेक सुविधाएं प्रदान की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा परमवीर चक्र व अशोक चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर तीन लाख रुपये, महावीर चक्र व कीर्ति चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर दो लाख रुपये, वीर चक्र व शौर्य चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर एक लाख रुपये दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युद्ध में शहीद सैनिकों की अनुग्रह अनुदान राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये की गई है। अन्य कारणों से वीरगति प्राप्त होने पर सैनिकों की अनुग्रह राशि 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 7.50 लाख रुपये की गई है। समारोह में सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
डॉ.यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 75वां गणतंत्र दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के निदेशक अनुसंधान डॉ संजीव चौहान द्वारा तिरंगा फहराने से हुई। मुख्यातिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया जिसके बाद विश्वविद्यालय के 164 एनसीसी कैडेट,एनएसएस वॉलंटियर और विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मीयों द्वारा शानदार मार्चपास्ट किया गया। इस मौके पर अपने संबोधन में डॉ चौहान ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों को उनके निस्वार्थ बलिदान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष और भारतीय संविधान के मुख्य वास्तुकार डॉ भीमराव अम्बेडकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विद्यार्थियों और कर्मचारियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए कर्तव्य दायी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद स्टडी सर्कल पंजाब के संस्थापक सचिव और रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर चंद्र शेखर तलवार विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने हमारी प्रेरणा कौन हो विषय पर सभा को संबोधित किया। उन्होंने विभिन्न उदाहरण देकर भारत में लोकतांत्रिक संस्थाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। अपने संबोधन में उन्होंने सभी को अपने देश के सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने की बात की।
** कार्यक्रम में सीएम सुक्खू एव नेता प्रतिपक्ष जयराम भी रहे मौजूद ** सेना, हिमाचल पुलिस, होमगार्ड व एनसीसी कैडेट्स ने की भव्य परेड देशभर में आज 75वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा। हिमाचल प्रदेश में भी रिपब्लिक डे उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। राज्य की राजधानी शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने ऐतिहासिक रिज पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। इस दौरान भव्य परेड में सेना, जेएंडके राइफल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, हरियाणा पुलिस, सेना पाइप बैंड, पुलिस विभाग की पुरुष और महिला टुकड़ियां, रक्षक, अग्निशमन सेवा दल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और डाक विभाग सहित करीब 27 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके बाद विभिन्न विभागों की झांकियां भी निकाली गईं और विभिन्न सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आज हमारा देश अभूतपूर्व तरक्की कर रहा है। भारत 2028 तक निश्चित रूप से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। वहीं, सीएम सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि 75 वर्ष पूर्व जिस भारत का सपना प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देखा था, वह धीरे धीरे साकार हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा उप मंडल में एक सड़क दुर्घटना में दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी भांजी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार मध्य रात्रि को डीएसपी देहरा रेजिडेंस के सामने एनएच 503 पर लोअर सुनेहत पंचायत के तहत श्रीबालाजी रेस्तरां के निकट मोड़ पर एक कार को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 14 साल की भांजी घायल हो गई। घायल को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूत्रों के मुताबिक कार सवार ज्वालामुखी के डोग देहरियां के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वे चंडीगढ़ से वापस अपने घर जा रहे थे। इन लोगों ने कार सड़क किनारे खड़ी कर रखी थी, इसी बीच तेज रफ्तार ट्रक ने कार को बुरी तरह से कुचल दिया, वहीं, ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार में से शवों को जेसीबी के माध्यम से बाहर निकाला गया। दोनों शवों को टांडा मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। इस बार पांच पद्म विभूषण, 17 पद्मभूषण और 110 पद्मश्री सहित कुल 132 पद्म पुरस्कार दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला के सोमदत्त बट्टू को भी पद्मश्री पुरस्कार के लिए चुना गया है। इस बार राष्ट्र ने ऐसे 34 गुमनाम नायकों को सम्मानित किया है, जिन्होंने अपने क्षेत्र में अतुलनीय कार्य किया है। इनमें पहली महिला महावत पार्वती बरुआ का नाम शामिल हैं। पार्वती ने रूढ़िवादिता से उबरने के लिए 14 साल की उम्र में जंगली हाथियों को वश में करना शुरू किया था। उन्हें सामाजिक कार्य (पशु कल्याण) के क्षेत्र में पद्मश्री के लिए चुना गया है।
पुलिस थाना देहरा की चौकी डाडासीबा के अंतर्गत नंगल चौक में एक युवक अपने मोटर साईकिल सहित घायल अवस्था में पड़ा था, जिसे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस द्वारा सिविल अस्पताल डाडासीबा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। मृतक की पहचान रमन पुत्र रत्न चंद, निवासी गुरनवाड़ के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा अनिल कुमार ने कहा कि पुलिस मामले में आगामी जांच कर रही है।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नलेटी में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में सबसे पहले तिरंगा झंडा फहराया गया और फिर बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधा। साहिल, स्नातक शिक्षक समाजिक विज्ञान ने बच्चों को इस दिवस की महत्ता बताई।पीआरटी अंकुश कुमार ने भी बच्चों को गणतंत्र दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में देश के प्रति भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस मौके पर विद्यालय की कार्यकारी प्राचार्या श्रीमती शशी कला कटोच ने बच्चों, अभिभावकों और अध्यापकों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने बच्चों को मिठाई वितरित की व बच्चों इन शब्दों के साथ सभी को संदेश दिया 'सार हमारी साधना का शेष रहना चाहिए। हम रहें या न रहें यह देश रहना चाहिए।Ó
** लाहौल घाटी के कई इलाकों ने ओढ़ी सफेद चादर ** अटल टनल की तरफ वाहनों की आवाजाही रोकी लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे हिमाचल वासियों प्रदेश के लिए खुशखबरी है। सूबे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने करवट बदल ली है। कुल्लू जिले के रोहतांग दर्रा और चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी सहित राज्य के अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई है। आज सुबह अटल टनल रोहतांग और धुंधी इलाके में बर्फबारी का दौर शुरू हुआ। अटल टनल इलाके में लगभग एक इंच बर्फबारी हुई है, जिस वजह से अटल टनल की तरफ आम वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। सोलंगनाला से आगे सिर्फ फोर बाई फोर वाहन ही जा पा रहे हैं। अन्य वाहनों को सोलंगनाला से आगे जाने की अनुमति नहीं है। वहीं, लाहौल घाटी के कई इलाकों ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। वहीं, बर्फबारी के बाद पांगी में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। उधर, प्रदेश की राजधानी शिमला में आज सुबह से बादल छाए हुए हैं।
धर्मशाला के पुलिस ग्राउंड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यातिथि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया आपदा के दौरान बेहतरीन सेवाएं देने वाले कर्मचारियों, वालंटियर्स तथा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के जवानों को भी सम्मानित करेंगे। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डा निपुण जिंदल ने बताया कि डीडीएमए के रोबिन कुमार, भानु शर्मा, रंधीर सिंह, रोहित शर्मा, राजेश गौतम, सन्नी पंजला, नीतिश राणा, अभनीत सिंह, मुकेश कुमार, अतुल कुमार, भूपिंद्र सिंह,आरती शर्मा तथा वालंटियर्स अविनीश कुमार, सुनील कुमार, संदीप कुमार, विजय कुमार तथा एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर प्रेम कुमार, अरूण कुमार, अनिल कुमार एसडीआरएफ के डीएसपी सुनील राणा, इंडियन आर्मी से रामवीर सिंह, हरजीत सिंह, जरनैल सिंह, ख्याली राम, अनिल यादव तथा पार्वरोहण के क्षेत्र में श्याम लाल, रवि कुमार, भाग सिंह, कमल सिंह को सम्मानित किया जाएगा इसके साथ ही आपदा के दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले राजस्व विभाग के रे के नायब तहसीलदार रमेश चंद, पटवारी हरदेव सिंह, पटवारी शुभम कालिया इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जाग्रति फांउडेशन चेरिटेबल ट्रस्ट, वसुधैव कुटुम्बकम के मेघा शर्मा, मेडिकल स्पेशलिस्ट डा तुषार सैणी, टीबी चैंपियन बबित कुमार, 108 से ईएमटी विकास, सिविल हॉस्पीटल नगरोटा बगबां तथा एमएमएस रोटरी आई हॉस्पीटल मारंडा को बेहतरीन सेवाओं के लिए सम्मानित किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के राम भक्तों को अयोध्या लेकर जाने वाली आस्था एक्सप्रेस ट्रेन, जो कि जिला ऊना से 29 जनवरी को चलनी थी, उसको फिलहाल एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया है। यह जानकारी देते हुए श्री राम मंदिर दर्शन योजना के संयोजक संजीव कटवाल ने बताया कि अयोध्या धाम में राम भक्तों की भीड़ अधिक एकत्रित हुई है, जो आने वाले कुछ समय के लिए रहेगी, ऐसे में रेलवे विभाग ने इस आस्था एक्सप्रेस ट्रेन को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए फिलहाल एक सप्ताह के लिए स्थगित किया है। 29 जनवरी की आस्था एक्सप्रेस ट्रेन अब फरवरी माह में चलेगी, इसके लिए नई तिथि जारी रेलवे विभाग द्वारा की जाएगी।
जयसिंहपुर विधानसभा के अप्पर लंबागांव में आज नमो नवमतदाता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य रूप से पूर्व विधायक रविंदर रवि धीमान, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा उपस्थिति रहे। युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच के साथ पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व नये युवा मतदाता उपस्थित रहे। पूर्व विधायक रविंद्र ने कहा कि मुझे विश्वास है कि समस्त नवमतदाता आगामी चुनावों में बढ़चढ़ कर मतदान करके लोकतंत्र की मजबूती हेतु अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। नये युवा मतदाता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या को वर्चुअल माध्यम से सुना। इस अभियान के तहत युवाओ को उनके मताधिकार और उनके वोट की ताकत के बारे में बताया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री ने संकल्प पत्र 2024 के लिए सुझाब भी देने का आहवान किया। इस अवसर पूर्व विधायक रविंद्र धीमान मंडल अध्य्क्ष देवेंद्र राणा बी डी सी चेयर मैन कुलवंत राणा के युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच हरि दास के साथ अन्य पार्टी के सदस्य भी मौजूद रहे।
** लोक निर्माण मंत्री ने केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री से की भेंट लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नीतिन जयराम गडकरी से भेंट की और हिमाचल में गत वर्ष भारी बारिश व भू-स्खलन के कारण हुए नुकसान सम्बंधी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि केन्द्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत व उन्नयन के लिए 152 करोड़ रुपये शीघ्र जारी करने का आश्वासन दिया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि गत वर्ष बरसात के दौरान प्राकृतिक आपदा से हुई भारी तबाही के पश्चात् केन्द्रीय मंत्री ने कुल्लू व मनाली का दौरा कर राष्ट्रीय राजमार्ग को हुए नुकसान का जायजा लिया था। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ने वाले राज्य सम्पर्क मार्गों के एक किलोमीटर भाग तक बहाली की घोषणा की थी। इसके पश्चात केन्द्रीय मंत्रालय को राज्य की ओर से इन सड़कों के लिए 152 करोड़ रुपये की निधि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया था। साथ ही राज्य सरकार द्वारा चार मुख्य राज्य मार्गों और राजमार्गों की बहाली के लिए 23.08 करोड़ रुपये का संशोधित प्राक्कलन भी भेजा गया था। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इस प्राक्कलन में थलौट उपमण्डल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-003 और राष्ट्रीय राजमार्ग-305 को जोड़ने वाले मार्गों की मरम्मत व रख-रखाव कार्य, मंडी-पंडोह राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद होने की स्थिति में पण्डोह से चैलचौक तक यातायात के सुचारू संचालन के लिए चैल-गोहर-पण्डोह सड़क का सुधार एवं सुदृढ़ीकरण, फोरलेन कार्य के फलस्वरूप पण्डोह बाईपास से राष्ट्रीय राजमार्ग के टकोली कुल्लू भाग की मरम्मत एवं रख-रखाव तथा मण्डी-कमांद-कटौला-बजौरा मार्ग की तुरंत मरम्मत की आवश्यकता है। यह सड़कें आपात स्थिति में आवश्यक खाद्य सामग्री सहित आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने तथा यात्रियों के आवागमन के लिए अति महत्वपूर्ण हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि टिक्कर-जड़ोल-गाहन-ननखड़ी-खमाडी सड़क के स्तरोन्नयन के लिए भी 108.33 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट केन्द्र को स्वीकृति के लिए भेजी गई है जिस पर केन्द्रीय मंत्री ने अपनी सहमति जताई। यह सड़क कोटगढ़, कुमारसैन, ननखड़ी और रामपुर तहसील की 12 पंचायतों की सेब बाहुल्य आबादी के लिए आवागमन एवं परिवहन की सुविधा उपलब्ध करवाती है। वहीं केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न प्राक्कलन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आश्वासन दिया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज देशभर में नमो नव मतदाता सम्मेलन किए। युवा मोर्चा ने सोलन जिला के भी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में ये सम्मेलन किए। सोलन में यह सम्मेलन सनातन धर्म मंदिर में हुआ। इस कार्यक्रम का आरंभ भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश के अध्यक्ष भाई तिलक राज शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि किया। सम्मेलन में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने वंदे मातरम गाकर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। उसके बाद स्काउट एंड गाइड की निश्चय ग्रुप द्वारा नशा युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उसके बाद युवा मोर्चा ने नशे जैसी कुरीतियों से दूर रखने के लिए युवाओं को खेलों की ओर बढ़ने के लिए युवाओं को सम्मानित किया। सभी युवा मतदाताओं ने मिलकर पीएम मोदी के संबोधन को सुना। प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमने भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है। भारत में एक बड़ी बहुमत वाली सरकार लाई जाएगी। भारत में तेज रिफॉर्म की गति और तेजी दी जाएगी, भारत डिजिटल क्रांति के और ऊर्जा देगा और भारत को अपने दम पर अंतरिक्ष में पहुंच जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भारतीय जनता पार्टी मंडल के अध्यक्ष मदन, पूर्व एमपी वीरेंद्र कश्यप, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विवेक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विवेक धवाल, महिला मोर्चा के प्रदेश की उपाध्यक्ष शकुंतला, भाजपा के जिला के महामंत्री भरत साहनी, मंडल महामंत्री अभिषेक ठाकुर, पार्षद सुषमा, महिला मोर्चा जिला महामंत्री प्रियंका, मंडल सचिव नेहा, महिला मोर्चा की अध्यक्ष विशाखा, मंडल उपाध्यक्ष भाजयुमो वैभव बनाल सोलन जिला व मंडल की पूरी टीम, भारतीय जनता पार्टी सभी वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
** देवी-देवताओं में है गहरी आस्था, राम भक्त हूं ** बीजेपी जारी नहीं करेगी हिंदू होने का प्रमाण पत्र ** गांव, गरीब की सेवा व विकास प्रदेश सरकार का लक्ष्य जिला ऊना के रायपुर सहोड़ा में आयोजित सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में पहुंचे डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री ने प्रदेशवासियों को हिमाचल के पूर्ण राज्यत्व दिवस की बधाई देने के साथ साथ भाजपा पर भी हमला बोला। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनावों के दृष्टिगत मंदिर के नाम का प्रयोग कर रही है। जबकि राम कांग्रेस की राजनीति नहीं बल्कि आराधना है और कांग्रेस भगवान राम के आदर्शों के मुताबिक काम करती है। उन्होंने कहा कि हम भी जल्द अयोध्या धाम जाकर रामलीला के दर्शन करेंगे । उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को हिंदू होने का सर्टिफिकेट लेने की जरूरत भाजपा से नहीं है । उन्होंने कहा कि भाजपा का एजंडा लोकसभा चुनाव है इसलिए भाजपा अपनी राजनीति कर रही है और यह बीजेपी करें, लेकिन हम पूरी तरह से मर्यादा पुरुषोत्तम राम श्री भगवान के दिखाएं मार्ग के अनुसार जनता की सेवा का काम कर रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम देवी देवताओं के उपासक भी हैं और भाजपा नेताओं से कहीं ज्यादा राम भक्त भी हैं इसलिए हम जय श्री राम भी बोलते हैं, भारत माता की जय भी बोलते हैं, वंदे मातरम भी बोलते हैं, हम नशे के विरुद्ध आवाज भी उठाते हैं, हम सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध आवाज भी उठाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीति सदैव देश को आगे बढ़ाने की रही है और कांग्रेस के नेतृत्व में देश के लिए बलिदान दिया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार प्रदेश के मंदिरों को भव्यता प्रदान करने की दिशा में कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के विकास के लिए उचित कदम उठा रही है और आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को जनता इसका जबाब देगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हमीरपुर क्षेत्र में भी बड़े-बड़े दावे किए गए लेकिन यहां सांसद कुछ नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि पार्टी मजबूत प्रत्याशी देगी और जीत दर्ज करेगी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा शुरू से ही विकास विरोधी रही है। डिप्टी सीएम मुकेश ने कहा कि 25 जनवरी को जब प्रदेश को पूर्ण राज्यत्व का दर्जा दिया जा रहा था तब भी भाजपा के लोग इसका विरोध कर रहे थे, आज जब प्रदेश में विकास किया जा रहा है तो भाजपा विकास कार्यों में रोड़ा अटकाने का काम कर रही है।
** राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल बतौर मुख्य अतिथि रहे मौजूद ** कहा, आज भारत के भविष्य निर्माण को जानने का दिन राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आज शिमला के गेयटी थियेटर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। हर्ष का विषय है चुनाव आयोग की ओर से शिमला में यह कार्यक्रम रखा गया है। आज का दिन देश के नए मतदाताओं और भारत के भविष्य निर्माण को तय करने वाले लोगों को जानने का दिन है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने युवा मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का उपयोग सही जानकारी, जिम्मेदारी, नैतिकता और संवेदनशीलता के साथ करें क्योंकि विवेक के आधार पर मतदान करके वे नये भारत का भविष्य भी निर्धारित करेंगे। उन्होंने युवा मतदाताओं से उनके मित्रों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक करने का भी आग्रह किया। राज्यपाल आज शिमला के गेयटी थियेटर में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित १४वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि इस दिवस को मनाने की परंपरा लोकतंत्र के लिए प्रासंगिक और सार्थक है। उन्होंने युवा मतदाताओं को च्मतदाता फोटो पहचान पत्रज् प्राप्त करने पर बधाई दी और कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में मतदाता के रूप में योगदान करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है वहीं, मताधिकार को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने को लेकर राज्यपाल ने कहा कि मताधिकार को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाने से देश के युवा मताधिकार के प्रति अधिक जागरूक होंगे और समाज को भी जागरूक कर पाएंगे।
शूलिनी विश्वविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय में खुशी विज्ञान के लिए रेखी उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने के लिए रेखी फाउंडेशन के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला और रेखी फाउंडेशन फॉर हैप्पीनेस के संस्थापक और आर सिस्टम्स के सीईओ डॉ. सतिंदर सिंह रेखी ने दिल्ली में डॉ. रेखी के आवास पर एक समारोह में हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर प्रोफेसर अतुल खोसला ने कहा कि यह साझेदारी शूलिनी विश्वविद्यालय के चौथे मिशन को पूरा करने में एक महत्वपूर्ण प्रगति है। हम समग्र शैक्षिक अनुभव प्रदान करने और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के अपने लोकाचार के साथ पूरी तरह से तालमेल बिठाते हुए, खुशी विज्ञान को बढ़ावा देने के एक रोमांचक रास्ते पर हैं। रेखी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अकादमिक परिदृश्य में क्रांति लाने के लिए तैयार है, जो 1 फरवरी से खुशी और कल्याण पर ध्यान केंद्रित करने वाले पाठ्यक्रमों की एक अभिनव श्रृंखला पेश करेगा। इन अग्रणी पाठ्यक्रमों में हैप्पी एंड इफेक्टिव लीडर्स ऑफ माइंडफुलनेस, साइंस ऑफ हैप्पीनेस शामिल हैं। खुशी के लिए आहार और पोषण, खुशी के लिए ज्योतिष, और स्वास्थ्य, उपचार और खुशी के लिए योग, व्यक्तिगत कल्याण के विभिन्न आयामों को बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। प्रोफेसर खोसला ने कहा कि हम इस अनूठे केंद्र की स्थापना में दूरदर्शी समर्थन के लिए रेखी फाउंडेशन के बहुत आभारी हैं। रेखी सेंटर के पाठ्यक्रम न केवल हमारे शैक्षणिक पोर्टफोलियो को समृद्ध करेंगे, बल्कि हमारे छात्रों के लिए एक सकारात्मक और पोषणपूर्ण वातावरण भी बनाएंगे। शूलिनी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ सलाहकार और निदेशक डॉ. समदु छेत्री ने कहा कि समग्र कल्याण को बढ़ावा देने में शूलिनी विश्वविद्यालय में खुशी विज्ञान के लिए रेखी उत्कृष्टता केंद्र का परिवर्तनकारी प्रभाव है। डॉ. छेत्री ने कहा कि रेखी उत्कृष्टता केंद्र अनुसंधान, शिक्षा और खुशी सिद्धांतों के व्यावहारिक अनुप्रयोग के लिए एक अग्रणी केंद्र बनने की इच्छा रखता है। एक बहु-विषयक दृष्टिकोण के माध्यम से, केंद्र खुशी के विभिन्न पहलुओं की खोज करने, छात्रों को उनके व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के लिए अमूल्य अंतर्दृष्टि और उपकरणों से लैस करने के लिए समर्पित है।
** कहा, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक स्वास्थ्य संस्थान को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में स्तरोन्नत कर रही है। अभी तक 50 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे स्वास्थ्य संस्थानों में 6-6 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात कर दिए गए हैं। डॉ. शांडिल आज नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पंजैहरा में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि राज्य सरकार शीघ्र ही 2000 नर्सिंग ऑफिसर की नियुक्ति करेगी। उन्होंने कहा कि 200 चिकित्सक शीघ्र तैनात किए जाएंगे। इन नियुक्तियों के माध्यम से लोगों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के प्रयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में रोबोटिक्स शल्य चिकित्सा आरम्भ की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर रोज़गार एवं स्वरोज़गार प्रदान करना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। राज्य सरकार ने अध्यापकों के 5291 पद भरने का निर्णय लिया है। महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से पुलिस भर्ती में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। जल शक्ति विभाग में भी विभिन्न श्रेणियों के 10 हजार पद भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम के माध्यम से लोग बिना किसी डर के अपनी समस्या प्रशासन के सम्मुख रख पा रहे हैं और अधिकारी बिना किसी दबाव के समस्याओं का समाधान करने में सफल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाने में प्रदेश सरकार सफल हो रही है। डॉ. शांडिल ने खनन अधिकारी तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए कि नालागढ़ उपमंडल में अवैध खनन पर पूरी तरह लगाम लगाई जाए। उन्होंने पुलिस विभाग को इस दिशा में समुचित कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पंजैहरा में कुन्डलू खड्ड में गंदा पानी छोड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अधिकरियों को यह सुनिश्चित बनाना चाहिए कि लोगों के राजस्व संबंधी विभिन्न मामले तथा पेयजल और विद्युत से संबंधत शिकायतों का निर्धारित समयावधि में निपटारा हो। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि विभिन्न मांगों पर भी नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर सभी को पूर्ण राज्यत्व दिवस की बधाई दी।
धर्मशाला वन वृत्त के अंतर्गत जिन अभ्यर्थियों ने वन मित्र के लिए आवेदन किया है, उनका शारीरिक दक्षता परीक्षण 29 जनवरी को पालमपुर वन मंडल, 30 जनवरी को धर्मशाला वन मंडल, 31 जनवरी को नूरपुर वन मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी वन परिक्षेत्रों में अलग अलग स्थान पर शारीरिक दक्षता परीक्षण होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षण हेतु स्थान की अधिसूचना वन मंडल अधिकारी अपने अपने स्तर पर अलग से प्रकाशित करेंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने संबंधित वन परिक्षेत्र अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। यह जानकारी मुख्य अरण्यपाल वन वृत धर्मशाला विक्रम इलावर्सन ने दी।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल व मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं समृद्धि की कामना की है। अपने बधाई सन्देश में राज्यपाल ने कहा कि देशवासियों के परिश्रम तथा सहयोग से राष्ट्र ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान हमारा मार्गदर्शक है। गणतंत्र दिवस सभी को एक सूत्र में बांधने वाली भारतीयता के गौरव का उत्सव है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने शुभकामना संदेश में प्रदेशवासियों का भारत को शांतिपूर्ण और प्रगतिशील देश बनाने की दिशा में समर्पित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें गणतंत्र के आधारभूत सिद्धान्तों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए अपनी लोकतांत्रिक जड़ों को और मजबूत बनाने के लिए निरन्तर अग्रसर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल ने भी सभी क्षेत्रों में आशातीत प्रगति की है जिसका श्रेय राज्य के मेहनतकश तथा ईमानदार लोगों को जाता है। प्रत्येक व्यक्ति के लिए यह गर्व की बात है कि हिमाचल मुख्य क्षेत्रों में देश के अन्य राज्यों के लिए विकास का आदर्श बनकर उभरा है।
** 13 परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन किए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने आज मंडी जिला के धर्मपुर में 71.39 करोड़ रुपये लागत की 13 परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन किए। उन्होंने अवाहदेवी-टीहरा सड़क पर 2.92 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल, अनसवाई से चसवाल सड़क पर 2.21 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल, हुक्कल चत्तर सड़क पर 66.85 लाख रुपये की लागत से बने पुल, 2.98 करोड़ रुपये की लागत से शेरपुर से सरी वाया खबेर सड़क पर बने पुल, सजाऊ चतरयाणा सड़क पर 1.98 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल, धर्मपुर में 74.65 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग के टाइप-2 स्टाफ क्वार्टर, मंडप में 30.90 लाख रुपये की लागत से सहायक अभियंता के आवास तथा धर्मपुर में 88 लाख रुपये की लागत से बने जन सुविधा केंद्र का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन सुविधा केंद्र का निर्माण बांस पर आधारित वस्तुओं के निर्माण तथा कारीगरों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने एचपी शिवा परियोजना के तहत जिला मंडी के चौंतड़ा, गोपालपुर तथा धर्मपुर खण्ड में सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए 50.55 करोड़ रुपये की परियोजना की आधारशिला रखी। इस परियोजना से 775 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने 4.42 करोड़ रुपये की लागत से धर्मपुर में बनने वाले लोक निर्माण विभाग के वृत कार्यालय भवन और रंगड़ में 55 लाख रुपये की लागत से बनने वाले स्वास्थ्य उप-केंद्र की आधारशिला भी रखी। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने सिद्धपुर में 3.20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सेरीकल्चर) के अंतर्गत कोकून मार्केटिंग और स्टोरेज सेंटर का शिलान्यास भी किया।
** सीएम ने धर्मपुर में की 54वें पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह की अध्यक्षता ** धर्मपुर के 200 महिला मंडलों को 20-20 हजार रुपये देने की घोषणा की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के धर्मपुर में आयोजित 54वें पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी जिले के धर्मपुर उपमंडल में पहली बार पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में उन्होंने धर्मपुर क्षेत्र के 200 महिला मंडलों को 20-20 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होने कहा कि राज्य में इस वर्ष मार्च के अंत तक 6 ग्रीन कॉरिडोर शुरू हो जाएंगे। उन्होंने धर्मपुर में डीएसपी कार्यालय, धर्मपुर और संधोल में नगर पंचायत, संधोल वाया मढ़ी धर्मपुर सड़क और संधोल वाया स्योह धर्मपुर सड़क के लिए 10-10 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने बाबा कमलाहिया मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 3 करोड़ रुपये, टीहरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन के लिए 1.50 करोड़ रुपये, संधोल और धर्मपुर में संयुक्त कार्यालय भवन के लिए क्रमश: 1.50 करोड़ रुपये और 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण के लिए 1.50 करोड़ रुपये और नागरिक अस्पताल धर्मपुर और संधोल के लिए 50-50 लाख रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में एक बास्केटबॉल खेल छात्रावास (छात्रा), क्षेत्र में विभिन्न खड्डों के तटीयकरण के लिए 24.80 करोड़ रुपये, राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में जूलॉजी में स्नातकोत्तर कक्षाएं और राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में अंग्रेजी, अर्थशास्त्र तथा हिंदी में स्नातकोत्तर कक्षाएं आरंभ करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि फरवरी में 13 ई-चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिए जाएंगे और आगामी दो माह के भीतर चिन्हित पेट्रोल पंपों पर कुल 108 चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि कीरतपुर से केलांग ग्रीन कॉरिडोर में पहले से ही 5 ई-चार्जिंग स्टेशन शुरू कर दिए गए हैं और शिमला से बिलासपुर तक इसी प्रकार के 3 स्टेशन स्थापित किए गए हैं। कहा कि प्रदेश में ई-वाहनों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है और राज्य सरकार ने 1 जनवरी, 2024 से सभी सरकारी विभागों में पेट्रोल और डीजल वाहनों की खरीद पर रोक लगाई है।
जयसिंहपुर में राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन एसडीएम संजीव ठाकुर अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उप मंडल जयसिंहपुर के लोगों को पूर्ण राज्यत्व दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 25 जनवरी का यह दिन प्रदेश के लिए बेहद गौरवमयी दिन है। एक ओर जहां 25 जनवरी, 1971 के दिन प्रदेश को पूर्ण राज्यत का दर्जा हासिल हुआ है, वहीं दूसरी ओर मजबूत लोकतंत्र की पहचान राष्ट्रीय मतदाता दिवस भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में इस दिवस को मतदाता दिवस के रूप में मनाने का उद्देश्य युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है व शत-प्रतिशत मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस अवसर तहसीलदार अभिषेक भास्कर, निर्वाचन कानूनगो जयसिंहपुर राकेश, मतदाता बच्चे व अध्यापक भी उपस्थित रहे।
** कार्यक्रम में स्कूल निदेशक लूपिन व सोना गर्ग रहे मुख्य अतिथि ** नर्सरी के बच्चों ने नाटी से मोह लिया सबका मन एसवीएन स्कूल में हिमाचल प्रदेश का 53वां पूर्ण राज्यत्व दिवस बड़े हर्ष के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में स्कूल निदेशक लूपिन गर्ग व सोना गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों को हिमाचल के इतिहास से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत हिमाचली लोकगीत 'सभी देशा ते शोभटा मारा हिमाचल प्यारा' से की गई। नर्सरी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई नाटी ने सबका मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त एकल गान, एकल नृत्य व अन्य प्रस्तुतियां भी दी गयीं। कार्यक्रम के अंत में स्कूल निदेशक लूपिन गर्ग ने सभी विद्यार्थियों व अध्यापकों को हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व दिवस की बधाई दी और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ममलीग निवासी रमेश ठाकुर ने अपने स्व. बेटे धर्मेंद्र की याद में एक वाटर कूलर छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार को दान स्वरूप भेंट किया। यह वाटर कूलर आज पूर्ण राजयत्व दिवस पर विद्यालय में एसएमसी अध्यक्ष रणजीत ठाकुर व सदस्यों को सौंपा। एसएमसी अध्यक्ष रणजीत ठाकुर व सदस्यों सहित विद्यालय प्रशासन ने इन दानी सज्जनों का विद्यालय के लिए वाटर कूलर भेंट करने के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष रणजीत ठाकुर, मुख्य सलाहकार अक्षरेस शर्मा, सदस्य गोपाल चंद, रमा व मैडम उपासना वर्मा मौजूद रहे।
संघोल पंचायत के पूर्व प्रधान व जयसिंहपुर ब्लॉक कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष स्वर्गीय रसीला राम के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री चंद्रेश कुमारी ने शोक व्यक्त किया। चंदेश कुमारी ने रसीला राम के घर जाकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। चंद्रेश कुमारी ने कहा कि रसीला राम का निधन कांग्रेस पार्टी के साथ उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनके कार्यों को भूलाया नहीं जा सकता। पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ जिला परिषद सदस्य संजय राणा, सुनील राणा भी मौजूद रहे।


















































