उप मंडल शिलाई के रोनहाट में एक ऑल्टो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार देर शाम एक ऑल्टो कार HP85-1696 रोनहाट से लाणी-बोराड़ की तरफ जा रही थी की अचानक जासवीं केंची के समीप अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी गहरी खाई में लुढ़क गई। दुर्घटना के समय कार में तीन लोग सवार थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई है। मृतकों की पहचान डॉ. रमेश भारद्वाज पुत्र शिव राम उम्र 47 वर्ष निवासी गांव बोरॉड, साक्षी पुत्री भरत उम्र 18 वर्ष निवासी गांव किणु-पनोंग, जय राम उफ़र् पंगा पुत्र सिया राम उम्र 39 वर्ष निवासी गांव लाणी-बोराड, उपतहसील रोनहाट जिला सिरमौर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार हादसे में जान गँवाने वाले डॉ. रमेश भारद्वाज राजकीय महाविद्यालय रोनहाट में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे और कार्यकारी प्रधानाचार्य का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे थे। वहीं मृतक युवती भी रोनहाट कॉलेज की छात्रा बताई जा रही है जो अपने मामा जय राम के साथ लाणी-बोराड गांव में मेहमान जा रही थी। उधर, पुलिस थाना शिलाई के प्रभारी प्रीतम सिंह लालटा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया की पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएँगे। फ़िलहाल पुलिस मामला दर्ज करके दुर्घटना के कारणों की जाँच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश शतरंज संघ द्वारा राष्ट्रीय स्तर का रेटेड चैस टूर्नामेंट बारह अगस्त से सोलह अगस्त तक ठियोग के शिमला हिल होटल में आयोजित किया गया। इस टूर्नामेंट में पूरे देश से 137 खिलाड़ियों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश शतरंज संघ के सचिव संजीव ठाकुर ने बताया कि इस टूर्नामेंट ने पूरे देश के 137 खिलाड़ियों ने भाग लिया और इस टूर्नामेंट का शुभारंभ एचपीएमसी के जनरल मैनेजर हितेश आजाद ने किया था। इस टूर्नामेंट में उत्तर प्रदेश में रिशव निषाद ने पहला,कुल्लू के देव कृष्ण ने दूसरा,शिमला के पंकज वर्मा ने तृतीय, उत्तर प्रदेश के अंशु पाठक ने चौथा, पंजाब के दीपक बत्रा ने पांचवा, बृज भारद्वाज ने छटा,मनोज कुमार ने सातवा, हरियाणा के यतीश कुमार ने आठवां,बिहार के नंदन कुमार ने नौवां और पंजाब के गगन भारद्वाज ने दसवां स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को एसडीएम ठियोग मुकेश कुमार ने इनाम बांटे। इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को 35000 रुपये के नकद इनाम दिए गए। इस मौके पर संदीप शर्मा चीफ पेट्रन हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज संघ, डॉ. कुलदीप कंवर चीफ पैट्रन जिला शिमला शतरंज संघ ,जोगिंदर कंवर सचिव जिला शर्तंज संघ शिमला, सीता राम शर्मा, समेरू ठाकुर, रोमित वर्मा आदि मौजूद रहे।
तीन दिन में 2074 लोगों को सुरक्षित निकाला बाहर जिला कांगड़ा के इंदोरा और फतेहपुर उपमंडल में चल रहा राहत एवं बचाव कार्य आज तीसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य में लगी भारतीय सेना, वायुसेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों ने आज तीसरे दिन कुल 309 लोगों को सकुशल बाढ़ग्रस्त क्षेत्र से निकाला। उन्होंने बताया कि आज 228 लोगों को वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से और 81 लोगों को बोट के माध्यम से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। उपायुक्त ने बताया सेना और अन्य बचाव दलों ने तीन दिन में 2074 लोगों की जान को बचाते हुए, उन्हें इंदोरा और फतेहपुर के जलमग्न क्षेत्रों से रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान 967 लोगों को एयरफोर्स के चॉपर से, 897 लोगों को बोट से और 210 लोगों को अन्य माध्यमों से बाहर निकाला गया। इंदोरा से 1652 और फतेहपुर से किए 422 लोग रेस्क्यू डीसी ने बताया कि इंदोरा उपमंडल से सर्वाधिक 1652 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जिनमें 792 लोगों को एयरलिफ्ट और 860 लोगों को बोट से निकाला गया। उन्होंने बताया कि इंदोरा में पहले दिन 493, दूसरे दिन 851 और आज तीसरे दिन 308 लोगों को रेस्क्यू किया गया। वहीं फतेहपुर उपमंडल में तीन दिन में 422 लोगों को रेस्क्यू किया गया। उन्होंने बताया कि फतेहपुर में रेस्क्यू किए गए लोगों में 175 को एयरलिफ्ट किया गया, जबकि 37 को बोट और 210 को अन्य माध्यमों से सुरक्षित निकाला गया। फतेहपुर में पहले दिन 273, दूसरे दिन 148 और आज तीसरे दिन बोट से एक व्यक्ति को रेस्क्यू किया। राहत शिविरों में रह रहे 325 लोग डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि प्रशासन द्वारा इंदोरा और फतेहपुर में स्थापित पांच राहत शिविरों में आज वीरवार को 325 लोगों ने आश्रय लिया है। उन्होंने बताया कि फतेपुर उपमंडल के बढूखर राहत शिविर में 214 और फतेहपुर रिलीफ कैंप में 19 लोग रह रहे हैं। वहीं इंदोरा के शेखपुरा में 64 और नूरपुर के लदरोड़ी में स्थापित रिलीफ कैंप में 28 लोगों ने शरण ली है। जबकि डमटाल के राम गोपाल मंदिर में फिलहाल कोई नहीं है। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू किए गए लोगों को एचआरटीसी की बसों के माध्यम से सीधा राहत शिविरों में ही ही लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां प्राथमिक चिकित्सा जांच और भोजन प्राप्त करके अधिकतम लोग अपने सगे संबंधियों के पास रहने चले जा रहे हैं। रिलीफ कैंप में रूटीन टीकाकरण उपायुक्त ने बताया कि राहत शिविरों में रह रहे रेस्क्यू किए गए लोगों में बहुत सी गर्भवती महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि फतेहपुर के बढूखर में राधा स्वामी सत्संग भवन में चल रहे राहत शिविर में इनके लिए आज रूटीन टीकाकरण सेशन आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने दो गर्भवती महिलाओं और पांच शिशुओं का टीकाकरण किया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गत दिवस को इंदौरा एवं फतेहपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने आए थे। इस दौरान प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़, इंदौरा ने प्रधान ओम प्रकाश कटोच की अध्यक्षता में राधा स्वामी सत्संग भवन कंदरोड़ी में सीएम को मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख की राशि का चैक भेंट किया। इसके अलावा एक सप्ताह से प्रभावित मंड क्षेत्र के लोगों के बचाव कार्य में लगे एनडीआरएफ के लगभग 150 जवानों को रहने व खाने इत्यादि की व्यवस्था भी सभा द्वारा की जा रही है। स्मरण रहे कि सभा सामाजिक, धार्मिक व आपदा की घड़ी में जन कल्याण के कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती आ रही है।
घाट दोची, लोहारघाट तथा चलोग में प्रभावितों का दुख-दर्द किया साझा मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि हिमाचल एकजुट होकर संकट का सामना कर रहा है। संजय अवस्थी ने आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदा प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लिया और प्रभावितों से मिलकर उन्हें विश्वास दिलाया कि आपदा के इन दुखद क्षणों में प्रदेश सरकार उनके साथ है। संजय अवस्थी ने आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बधोखरी के गांव घाट दोची, ग्राम पंचायत मलौण के लोहारघाट तथा ग्राम पंचायत साई के चलोग में भारी वर्षा के कारण हुए नुकसान का विस्तृत जायज़ा लिया और प्रभावितों को ढाढंस बंधाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रभावितों को समय पर राशन उपलब्ध करवाने तथा पशुओं के लिए चारा भी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांव घाट दोची के 11 परिवारों के आवास पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण यह परिवार बेघर हो गए हैं। इन परिवारों को दूसरी जगह पर घर बनाने के लिए भूमि उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर अवगत करवाया गया कि इस गांव की भूमि धंस चुकी है और यहां निवास करना सुरक्षित नहीं है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि जल्द ही इस क्षेत्र का भू-गर्भ सर्वेक्षण करवाया जाएगा। उन्होंने उपयुक्त रिपोर्ट के आधार पर नुकसान प्रभावित सभी 11 परिवारों को एक-एक लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर स्थानीय निवासी मदनलाल शर्मा ने भी प्रभावितों को एक लख रुपए प्रदान किए। ग्राम सुधार सभा बदोखरी द्वारा भी प्रभावितों को राशन के लिए 25 हजार रुपए प्रदान किए गए। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर भियूखंरी के निवासी रणजीत ठाकुर से भेंट कर उनका दु:ख बांटा। रणजीत ठाकुर की सुपुत्री तमन्ना ठाकुर ग्राम पंचायत साई के चलोग गांव में भारी वर्षा के कारण आपदा में दु:खद मृत्यु को प्राप्त हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा इनके परिजनों को फौरी राहत के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए थे। इन्हें 4 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई है। उन्होंने ग्राम पंचायत मलौण के गांव लोहारघाट में भारी वर्षा व बाढ़ के कारण दुखद मृत्यु को प्राप्त हुए व्यक्तियों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें यथोचित सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दु:ख की इस घड़ी में सरकार प्रभावितों के साथ खड़ी है। असामायिक मृत्यु के कारण दु:ख एवं पीड़ा झेल रहे परिवारों के शोक में प्रदेश सरकार उनके साथ है। उन्होंने लोहारघाट निवासी स्व. फूला देवी के पति शावनूराम से भेंट की और उनका दु:ख साझा किया। मुख्य संसदीय सचिव ने फूला देवी के परिजनों को अपनी ओर से 30 हजार रुपये प्रदान किए। संजय अवस्थी ने प्रशासन को निर्देश दिए कि स्व. फूला देवी के परिवार के सुरक्षित निवास एवं राशन की व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जाए। उन्होंने इस परिवार के आवास के लिए भूमि का चयन करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लोहारघाट के क्षतिग्रस्त भवन का निरीक्षण किया। संजय अवस्थी ने इसके बाद ग्राम पंचायत साई के चलोग गांव में नुकसान का जायज़ा लिया और दुखद मृत्यु को प्राप्त हुए व्यक्तियों के परिजनो से भेंट की। उन्होंने चलोग गांव के निवासी जगदीश का दु:ख-दर्द बांटा और उन्हें यथोचित सहायता का आश्वासन दिया। जगदीश के सुपुत्र यादव की चलोग गांव में दुखद मृत्यु हो गई थी। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश को इस वर्ष व्यापक स्तर पर आपदा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में हुई जानो-माल की क्षति का स्तर अत्यंत वृह्द है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू न केवल नियमित रूप से आपदा प्रबंधन का अनुश्रवण कर रहे हैं अपितु स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर प्रभावितों का दु:ख-दर्द भी बांट रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है और इस दिशा में अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जन-जन के सहयोग से उचित दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत बधोखरी के उप प्रधान रणजीत सिंह, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता शशिपाल धीमान, विद्युत बोर्ड रामशहर के अधिशाषी अभियंता हिमेश धीमान, अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
पैतृक गांव सिद्धपुर में सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, बेटे ने दी मुखाग्नि बीएसएफ सेे सेवानिवृत्त सहायक कमांडेंट एसएस पठानिया का गुरुवार को उनके पैतृक गांव सिद्धपुर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पठानिया काफी समय से बीमार चल रहे थे। वे अपने पीछे पत्नी अभिलाषा और बेटी रुचि पठानिया व बेटे राहुल पठानिया को छोड़ गए हंै। 24 बटालियन बीएसएफ बनोई द्वारा इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव के नेतृत्व में टुकड़ी ने सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी व श्रद्धांजलि दी। उन्हें बीएसएफ के डायरेक्टर जनरल की तरफ से पुष्प चक्कर अर्पित किया गया। पठानिया के पार्थिव शरीर को उनके बेटे ने मुखाग्नि दी। प्रदेश प्रवक्ता मनवीर चंद कटोच ने कहा कि पठानिया 7 जनवरी, 1979 को बीएसएफ में भर्ती हुए थे और देश की सरहदों में सेवा देते हुए 31 जनवरी 2017 को फ्रंटियर हेडक्वार्टर जम्मू से सेवानिवृत्त हुए थे । हमने संगठन के बहुत ही कर्मठ पैरामिलिट्री परिवार के सदस्य को खोया हैं जिसकी पूर्ति होना बहुत मुश्किल है। अंतिम यात्रा में सेवानिवृत्त निजी सचिव मदन शर्मा, सेवानिवृत्त मेजर आशीष शर्मा, सेवानिवृत्त कमांडर (नेवी) ओपी मन्हास, सेवानिवृत्त बीडीओ डीआर अवस्थी और नजदीक सैकड़ों गांव वासी पैरामिलिट्री एवं सेना के सेवानिवृत्त सदस्य में शामिल हुए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी और दिवंगत आत्मा को शांति की कामना की और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
कहा-त्रासदी ने व्यथित किया, भविष्य के लिए सतर्क हो प्रशासन व सरकार नगर निगम शिमला में बरसात के साथ हुई भारी तबाही ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अमूल्य जानें चली गईं, जिसके लिए शोक संतप्त परिवारों के साथ गहरी संवेदना है। नगर निगम शिमला के तहत प्राथमिक रूप से जिन पेड़ों से खतरा है, उन्हें चिन्हित कर तुरंत काटा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद त्रासदी से बचा जा सके। यह बात कसुम्पटी भाजपा की महिला नेत्री व कसुम्पटी वार्ड से पार्षद रचना शर्मा ने कहीं। उन्होंने गुरुवार को कसुम्पटी की वार्ड में वन विभाग की टीम के साथ दौरा कर खतरा बन रहे पेड़ों का निरीक्षण किया। वन विभाग की टीम को खतरा बन रहे पेड़ों को तय समय में रिपोर्ट कर काटने का आग्रह किया। रचना शर्मा ने कहा कि वन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया है। वार्ड के निवासियों ने जिन पेड़ों का खतरा बताया उन सब का निरीक्षण करवाया गया है। रचना शर्मा ने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी रिपोर्ट देंगे, हमने भी एसडीएम को रिपोर्ट पेड़ों की दी है, इससे पहले नगर निगम को भी कुछ पेड़ों के बारे में लिखा है ,अब जो बारिश हुई है उसमें खतरा बड़ा है, अनेक पेड़ों के खतरे से रिहायशी मकानों को खतरा है, इसलिए इन्हें तुरंत सुरक्षित रूप से हटाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रास्तों का नुकसान हुआ है, अनेक स्थानों पर ढंगे टूट गए हैं, कई स्थानों पर खतरा बना हुआ है। सरकार, प्रशासन, नगर निगम व लोक निर्माण विभाग से आग्रह है कि यहां राहत कार्य भी समय रहते चलाए जाएं। उन्होंने कहा कि जो लोग भी प्रभावित हुए हैं उनके साथ हमारी संवेदनाएं हैं। रचना शर्मा ने कहा कि हम प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं, जो भी मदद करने होगी की जाएगी। उन्होंने वन विभाग की टीम का निरीक्षण करने के लिए आभार भी जताया और साथ ही कहा कि पेड़ों को काटने का काम बिना देरी शुरू होना चाहिए।
राजस्व मंत्री ने पंचायत पानवी का दौरा कर सुनीं जनसमस्याएं राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने अपने किन्नौर प्रवास के दौरान आज ग्राम पंचायत पानवी का दौरा किया और जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त हुई सभी उचित मांगों का चरणबद्ध तरीके से निपटान सुनिश्चित करने को कहा। नेगी ने कहा कि जिला किन्नौर में आदर्श विद्यालय खोले जाएंगे, जिसमें गुणवतापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समस्त प्रदेश सहित जनजातीय जिलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार का विकास प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में किया जा रहा है उसी प्रकार का विकास जनजातीय जिला किन्नौर में भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश, भूस्खलन, बाढ़ इत्यादि के कारण राज्य ने हजारों करोड़ों का नुकसान झेला है, जो आने वाले समय में और बढ़ सकता है। प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में प्रभावित हुए क्षेत्रों में राहत एवं बचाव का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तत्परता से किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत पानवी द्वारा रखी गई मांगों को चरणबद्ध रूप से पूर्ण किया जाएगा और पानवी के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस सेवा शीघ्र आरंभ करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर प्रधान ग्राम पंचायत पानवी राजकुमारी ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का पंचायत पहुंचने पर टोपी भेंट कर सम्मानित किया। ग्राम कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने स्वागत संबोधन दिया और पूर्व प्रधान रोशन लाल ने ग्राम पंचायत पानवी की विकासात्मक मांगें मंत्री के समक्ष रखी। इसके उपरांत, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने 88.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित डेट सुंगरा से रावले होते हुए साकीचरंग संपर्क मार्ग का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी निचार बिमला वर्मा, उपपुलिस अधीक्षक निचार नरेश शर्मा व अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग प्रमोद उपरीति, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी नेगी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
शिमला शहर के समरहिल, कृष्णानगर, फागली व अन्य क्षेत्रों में हुए जानमाल के भारी नुकसान को लेकर शिमला नागरिक सभा का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा से मिला व उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। नागरिक सभा ने भारी बरसात के कारण प्रभावित हुए परिवारों को तुरंत आर्थिक सहायता व उचित रिहायश उपलब्ध करवाने की मांग की है। नागरिक सभा संयोजक संजय चौहान व सह संयोजक विजेंद्र मेहरा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात के कारण भयंकर तबाही हुई है। शिमला शहर में आपदा ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दो दिनों में ही शिमला के समरहिल, कृष्णानगर व फागली में दो दर्जन से अधिक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। शहर के दर्जनों भवन जमींदोज हो चुके हैं। कई रास्ते व सड़कें टूट चुके हैं व बंद हैं। इस त्रासदी से जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावितों को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए। उनकी रिहाइश का उचित प्रबंध किया जाए। प्रभावितों को राशन, दवाइयों, शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चों की किताबों व कपड़ों सहित तमाम सहायता तुरंत उपलब्ध करवाई जाए, जिनके घर जमींदोज हुए हैं उनके रहने की व्यवस्था राजीव आवास योजना के तहत बने खाली मकानों व अन्य सरकारी रिहाइशों में तुरंत की जाए। प्रभावित इलाकों में जानमाल के लिए भयंकर खतरा साबित हो रहे पेड़ों को तुरंत काटा जाए। उन्होंने समरहिल में भयंकर आपदा का शिकार हुई दोनों क्षतिग्रस्त सड़कों व रेलवे ट्रैक को तुरन्त बहाल करने की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि समरहिल में विश्वविद्यालय, अन्य कार्यालयों व जनता की सुविधा हेतु बालूगंज से एडवांस स्टडी चौक आईटीआई होते हुए समरहिल व वापसी हेतु बड़ी एचआरटीसी टैक्सी का निरंतर संचालन किया जाए। उन्होंने कृष्णानगर के पार्क से पानी की उचित निकासी का प्रबंध करने की मांग की है ताकि इर्दगिर्द के भवनों की सुरक्षा की जा सके।
चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर दुनेरा के समीप बंद पड़े मार्ग को बहाल करने के लिए अब एनएच मंडल चंबा के अधिशासी अभियंता ईं. संजीव महाजन ने मोर्चा संभाला है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर पठानकोट प्रशासन के अधिकारियों के साथ मार्ग बहाली को लेकर गहन मंथन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी ओर से कई बहुमूल्य सुझाव भी प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष रखे। संजीव महाजन ने बताया कि बीते चार-पांच दिनों से मार्ग बंद होने के कारण लोगों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे चंबा जिला की पर्यटन गतिविधियों पर बुरा असर पड़ रहा है। वहीं लोगों को जिला चंबा में प्रवेश के लिए वाया नूरपुर होकर आना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पठानकोट प्रशासन के अधिकारियों को मार्ग बहाली से संबंधित आवश्यक सुझाव दिए गए हैं। जल्द ही मार्ग बहाल हो जाएगा। आपको बता दें कि इससे पहले इंजीनियर संजीव महाजन ने चंबा-भरमौर एन एच बहाली के लिए भी बेहतरीन कार्य किया था। जिसके चलते स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें सम्मानित भी किया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां बताया कि प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए विधायक क्षेत्र विकास निधि योजनाज् के तहत नियमों में छूट देकर इस योजना के तहत सुरक्षा दीवारों और नालों के तटीकरण जैसे कार्यों को भी शामिल करने का निर्णय लिया है। हाल ही में वर्षा के कारण प्रदेशभर में भारी जान-माल के नुकसान के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में संरक्षण के इस तरह के कार्य करवा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के चलते प्रदेश को आपदा का सामना करना पड़ रहा है जिस कारण राज्यभर में बहुमूल्य जाने गईं हैं और निजी एवं सरकारी सम्पत्ति को भी भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सरकार बाधित सड़कों और जलापूर्ति योजनाओं की बहाली के लिए दिन-रात कार्य कर रही है। इसके अलावा आपदा से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए भी प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। सुरक्षा दीवारों व ब्रेस्टवॉल इत्यादि के संरक्षण और नालों के तटीयकरण के लिए पात्र व्यक्तियों को संबंधित ग्राम पंचायत के पटवारी अथवा ग्राम पंचायत प्रधान की ओर से जून, २०२३ के पश्चात बारिश के कारण हुए नुकसान से उनके घरों को मौजूदा स्थिति में किसी प्रकार का संकट होने के संबंध में जारी प्रमाण-पत्र उपलब्ध करवाना होगा। बारिश के कारण भू-क्षरण की संभावनाएं बढ़ने और निजी एवं सामुदायिक सम्पत्ति की सुरक्षा के लिए नाले का रख-रखाव अति आवश्यक होने संबंधी पटवारी एवं प्रधान द्वारा दिए गए प्रमाण-पत्र के आधार पर संबंधित क्षेत्र के विधायक नालों के तटीयकरण के लिए विधायक क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत सिफारिश कर सकेंगे।
शिमला के समरहिल में शिव बावड़ी में हुए भूस्खलन के मलबे से एक और शव निकाला गया है। एचपीयू में गणित के विभागाध्यक्ष प्रो.पीएल शर्मा का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला, उनके हाथ की अंगूठी से पहचान की गई। शव घटनास्थल से दो किलोमीटर दूर नाले में मिला है। पीएल शर्मा की पत्नी का दूसरे दिन ही मिल गया था, जबकि उनका बेटा अभी भी लापता है। शिव मंदिर में चौथे दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी है। मौके पर भारतीय सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और शिमला पुलिस के जवान रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य में जुटा प्रशासन ने अब घटनास्थल के बजाय नाले में करीब 700 मीटर दूर तक लापता लोगों की तलाश कर रहा है। जिस वक्त मंदिर के पीछे लैंडस्लाइड हुआ, उस दौरान भारी बारिश हो रही थी। इसलिए माना जा रहा है कि नाले के तेज बहाव में लोग नीचे बह गए हो। अभी तक जो शव मिले हैं उनमें से एक शव का पहचान नहीं हो पाई है। 14 अगस्त के दिन सावन के महीने के आखिरी सोमवार के दिन बड़ी संख्या में लोग शिव मंदिर में शीश नवाने पहुंचे थे कि ये दर्दनाक हादसा हो गया।
जवाहर नवोदय विद्यालय किन्नौर की प्राचार्या शशि कांता कुमारी ने आज यहां बताया कि जिला में सत्र 2023-24 के लिए छठी कक्षा में आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 25 अगस्त तक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाईन आवेदन करने के लिए सभी पात्र अभ्यर्थी स्वयं, लोकमित्र केंद्र या अन्य किसी माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नवोदय विद्यालय की वैबसाईट www.navodaya.gov.in पर जाकर ऑनलाईन आवेदन कर सकते है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्य में विद्यालय आकर संपर्क किया जा सकता है।अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जवाहर नवोदय विद्यालय से दूरभाष नंबर 01786-222232 या व्यक्तिगत रूप से सम्पर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रदेश में स्वचालित मौसम केंद्र ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन (एडब्ल्यूएस) की संख्या बढ़ाने के लिए उपयुक्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। वह बुधवार सायं यहां आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एडब्ल्यूएस स्थापित करने से मौसम से संबंधित अद्यतन (रियल टाइम) डाटा उपलब्ध होगा, जिससे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में समय पर उचित कदम उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्रदेश में ऑब्जर्वेटरी सेंटर स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने राज्य में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को और सशक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ को आपात स्थिति से निपटने के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। इन उपकरणों से गिरे हुए लेंटर व स्लैब उठाने और भारी स्टील की कटिंग सुविधा उपलब्ध होने से आपदा की स्थिति में बचाव कार्यों में अत्यधिक मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में काफी संख्या में पेड़ गिरे हैं। इन पेड़ों की कटाई व निपटान वैज्ञानिक तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गिरे हुए पेड़ों के स्थान पर पौधरोपण करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं ।उन्होंने अधिकारियों को कहा कि कुल्लू जिला में सड़कें बाधित होने के दृष्टिगत गंभीर मरीजों को आपात चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए अतिरिक्त (स्टैंड बाई) हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रदेश के विभिन्न भागों में चलाए जा रहे राहत व बचाव कार्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आपदा प्रभावितों को हर संभव मदद प्रदान करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, प्रधान सचिव, सचिव व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
उप मंडल फतेहपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बाड़ी का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट गया है। गांववासियों को करीब 6 किलोमीटर तक लंबा सफर तय कर मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग जसूर तलवाड़ा पर स्थित कस्बा धमेटा के समीप कैलबड़-बाड़ी मार्ग भूस्खलन के चलते ध्वस्त हो गया है, जिसका मुख्य मार्ग से पहुंचने के लिए करीब 6 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ेगा। भारी आपदा जो इस बरसात में हुई है। वहीं फतेहपुर के मंड क्षेत्र में पौंग बांध से छोडे जा रहे पानी से हालात वैसे ही खराब है। विधायक ने कहा कि वह लगातार प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं, लोगों को हर प्रकार की मदद की जा रही है, राहत व बचाव कार्य लगातार जारी है। उसी के चलते आज फतेहपुर की पंचायत बाड़ी का दौरा किया। लोगों की समस्याओं को जाना व जल्द सम्सया से निजात दिलाने का आश्वासन दिया। बाड़ी पंचायत के लोगों के लिए जल्द सड़क मार्ग शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर ने शिक्षा सचिव के कार्यालय से 15 अगस्त को जारी अवकाश संबंधित आदेश को छेड़कर सोशल मीडिया में वायरल करने वाले शरारती तत्व पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। दरअसल 15 अगस्त को जारी आदेश के अनुसार सम्पूर्ण राज्य मे 16 अगस्त को शिक्षा संस्थानों को बंद करने के आदेश जारी हुए आज उन्ही आदेशो को छेड़कर किसी शरारती तत्व ने 16 अगस्त के स्थान पर 17 अगस्त को भी शिक्षा संस्थान बंद करने का झूठा पत्र सोशल मीडिया में जारी कर दीया यद्यपि उच्च अधिकारियों के ध्यान मे आते ही उक्त पत्र को जाली करार दे दिया गया तथापि कुछ समय के लिए सभी विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक काफी परेशान रहे। प्रवक्ता संघ जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर, निवर्तमान राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र नेगी, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, महासचिव आईडी राही, रमेश नेगी, संजय शर्मा, देवराज कनयाल, रमा शर्मा, संध्या चौहान आदि ने संयुक्त वक्तव्य में कहा कि आज जब संपूर्ण राज्य अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा को झेल रहा है। सरकार, संपूर्ण सरकारी तंत्र एवं समाज का बुद्धिजीवी वर्ग इस भयावह चुनौती से जूझने के दिन रात प्रयास कर रहा है ऐसी अवस्था में इस प्रकार के झूठे एवं भ्रामक प्रचार अत्यंत निंदनीय है।
पुलिस चौकी डाडा सीबा के तहत आरा चौक के करीब तीखे मोड़ पर एक पिकअप ट्राला पलटने का मामला सामने आया है । जानकारी के अनुसार ठेकेदार की लेबर इंदौरा से बाया जौड़बड से देहरा की तरफ जा रही थी और यह पिकअप ट्राला गांव आरा चौक के करीब तीखे मोड़ पर पलट गया ट्राले में लगभग 17 से 18 लोग सवार थे और ट्राले में एक जनरेटर भी रखा था । ट्राला पलटने से लगभग 15 लोग घायल हुए हैं जिनमें 10 गम्भीर रूप से चोटिल हुए हैं जिन्हें टांडा अस्पताल रेफर कर दिया गया है। लोग घायल हुए हैं दुर्घटना होने से चीखो पुकार मच गई । सभी चोटिल घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सिविल हॉस्पिटल डाडा सीबा पहुंचाया गया । अस्पताल के डॉक्टर नितिन शर्मा,डॉक्टर शशांक शर्मा,डॉक्टर नवतेज सिंह के अनुसार इस हादसे में 3 मरीज की नाजुक हालत है। इस हादसे में अनिल कुमार(40) पुत्र नथनी राम , अदित कुमार (8) पुत्र राकेश कुमार, विजय(45) सुपुत्र दास राम, चिंटू(8) पुत्र रमेश कुमार, कुंदन(15) पुत्र अजय कुमार, संजय राम (47) जीतेंद्र राम, रमेश(39) पुत्र नथनी राम, बृज मोहन (45) पुत्र पाशु राम, आशीष(10) पुत्र राकेश कुमार, गोलू (15) पुत्र रमेश चंद गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह सभी गांव रंजीतपुर सीतामणी बिहार के निवासी हंै। वहीं इनमें पिकअप ट्राला चालक श्याम सुंदर (26) पुत्र अवतार सिंह निवासी छोटा दौलतपुर तहसील हरोली ऊना को हल्की चोट आई है। चालक के अनुसार उतराई में पिकअप ट्राले की ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ है। वहीं, डाडा सीबा पुलिस चौकी प्रभारी किशोर चंद ने बताया पुलिस मौके पर पहुंची है। मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
इंदौरा और फतेहपुर में जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन प्रशासन सहित सेना और एनडीआरएफ मौके पर तैनात जिला कांगड़ा के इंदौरा और फतेहपुर उपमंडल में पौंग झील के बहाव क्षेत्र के साथ लगते गावों से अभी तक 1731 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार दोपहर से जारी इस रेस्क्यू ऑपरेशन में भारतीय सेना, एयरफोर्स, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवानों ने अपनी जान की बाजी लगाकर बड़ी संख्या में लोगों की जान बचायी है। उन्होंने बताया कि अभी तक हेलीकॉप्टर के मदद से कुल 739, बोट के द्वारा 780 और अन्य माध्यमों से 212 लोग सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए हैं। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है और वे इसे स्वयं मौके पर रहकर मॉनिटर कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी आज यहां पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और प्रशासन को बेहतर आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। दो एमआई-17 हेलिकॉपटर के साथ सेना के 60 और एनडीआरएफ के 182 जवानों ने किया रेस्क्यू डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि पोंग बांध से अत्याधिक जल छोड़े जाने के कारण साथ लगते फतेहपुर और इंदौरा क्षेत्र में कईं लोगों के फंसे होने की जानकारी प्रशासन को मिली थी। उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से भारतीय सेना और वायुसेना से संपर्क साधा। उन्होंने बताया कि सेना ने त्वरित प्रभाव से अपने दो फ्लड रिलीफ कॉलम को मौके पर भेजा। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन में सेना के कुल 60 जवान शामिल रहे। वहीं लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की सात टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में दिन रात तैनात हैं, जिसमें 182 जवानों शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त एसडीआरएफ की टीमें और पुलिस के जवान भी बचाव कार्य में लगे रहे। शासन-प्रशासन डटा रहा मौके पर डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य शुरू होते ही आर्मी, एयरफोर्स, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के अलावा शासन और प्रशासन भी निरंतर मौके पर डटा रहा। उन्होंने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लगातार फीडबैक लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इंदोरा के विधायक मलेंद्र राजन और विधायक फतेहपुर भवानी पठानिया ने भी स्पॉट पर रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन को लीड किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन से वे स्वयं, एसपी नूरपुर अशोक रतन, एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, एसडीएम इंदोरा डॉ. सुरिंद्र ठाकुर, एसडीएम नूरपुर गुरसिमर सिंह, तहसीलदार इंदोरा शिखा, तहसीलदार फतेहपुर पवन सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी हर समय मौके पर ही रहे। उपायुक्त ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य अभी जारी है। सरकार और प्रशासन का जताया आभार इंदौरा और फतेहपुर में चले रिलीफ ऑपरेशन में सुरक्षित निकाले गए लोगों ने भारतीय सेना, प्रदेश सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके जीवन में कभी ऐसी स्थिति उत्पन्न होगी ऐसा कभी सोचा नहीं था। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सेना, सरकार और प्रशासन ने उनके प्राणों की रक्षा कर उनको सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया, इसके लिए वे सदा आभारी रहेंगे।
सुक्खू सरकार ने 22 अगस्त को कैबिनेट मीटिंग बुलाई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक आपदा के कारण प्रदेश में उपजे ताजा हालात, मंडी, मध्यस्थता योजना, डिजास्टर मिटिगेशन और विधानसभा के प्रस्तावित मानसून सत्र को लेकर चर्चा होगी। बता दें कि प्रदेश में भारी बारिश ने कहर बरपाया है। कैबिनेट में राहत एवं पुनर्वास कार्य को लेकर चर्चा की जाएगी। इसमें सरकार भविष्य में बरसात के दौरान होने वाले नुकसान को कम करने के लिए बनाई जा रही योजना पर चर्चा करेगी। दरअसल, राज्य सरकार 800 करोड़ की योजना तैयार कर रही है। कैबिनेट से पहले इसकी गाइडलाइन फाइनल करने के दावे किए जा रहे हैं। इन्हें कैबिनेट में चर्चा को लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर एमएसआई योजना के तहत सेब खरीद का मूल्य 1.50 प्रति किलो बढ़ाकर 12 रुपए करने की घोषणा की है। इसके लिए कैबिनेट की मंजूरी अनिवार्य है। कैबिनेट की हरी झंडी के बाद ही बागवानी विभाग इसे नोटिफाई करेगा। हालांकि सरकारी उपक्रम एचपीएमसी और हिमफैड ने एमएसआइ के तहत सेब की खरीद शुरू कर दी है। मगर, इसके लिए बागवानों से अंडरटेकिंग ली जा रही है।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अगस्त को आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत के दृष्टिगत सोलन के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी आज यहां अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 17 अगस्त को प्रात: 11.00 बजे से सांय 4.00 बजे तक नानक विला, बघाट पैलेस, टैंक रोड़, फोरेस्ट रोड़ तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने इस अवधि में लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत निर्धारित तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है।
हवाई सर्वेक्षण के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का लिया जायजा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज हवाई सर्वेक्षण के माध्यम से जिला कांगड़ा के फतेहपुर और इंदौरा विधानसभा के क्षेत्रों में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने पौंग जलाश्य से आगे की तरफ बाढ़ के कारण फंसे लोगों को निकालने के लिए चलाए गए राहत अभियान का जायजा भी लिया। इसके पश्चात वह डमटाल और शेखपुरा पहुंचे जहां जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों का निरीक्षण किया और लोगों से बातचीत की। उन्होंने खाद्य पदार्थों, चिकित्सा सुविधा, अन्य आवश्यक दवाओं सहित एंटी-वेनम दवाई पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राधा स्वामी सत्संग भवन शेखपुरा में स्थापित राहत शिविर में प्रभावितों के साथ भोजन किया। मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए कहा कि पौंग जलाशय के बहाव क्षेत्र में बाढ़ के कारण इंदौरा और फतेहपुर क्षेत्र की 27 पंचायतें प्रभावित हुई हैं, जिनमें से 22 पंचायतें अधिक प्रभावित हैं। इन क्षेत्रों से अब तक लगभग 1150 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना, सेना, राष्ट्रीय एवं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, पुलिस और होमगार्ड को बचाव अभियान में लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा इन प्रभावित लोगों के लिए मुफ्त आवास और भोजन के अलावा चिकित्सा सहायता की भी व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों में यह राज्य की सबसे विनाशकारी प्राकृतिक आपदा है और इससे घरों और फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत और मुआवजे के तौर पर इन क्षेत्रों के लिए एक विशेष पैकेज प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस आपदा के समय प्रभावितों के लिए मुआवजा राशि बढ़ाने का निर्णय लिया है और इसके तहत इस क्षेत्र के बाढ़ प्रभावितों को भी बढ़ा हुआ मुआवजा प्रदान किया जाएगा। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी और मकानों के पुनर्निर्माण के लिए भी हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जिन छात्रों की पढ़ाई प्राकृतिक आपदा के कारण प्रभावित हुई है उनके लिए अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री स्थानीय हेलीपैड पर भी गए और आपदा से सुरक्षित निकाले गए प्रवासी मज़दूरों से भेंट कर उन्हें विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार उनकी सहायता के लिए सभी व्यवस्थाएं करेगी और यदि वे अपने राज्य वापस जाना चाहते हैं तो उसके अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने प्रशासन को इन सभी प्रवासी मज़दूरों को रोज़मर्रा का सामान उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिए। विधानसभा मानसून सत्र के मुद्दे पर विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश भर में इस आपदा के समय सरकार की प्राथमिकता बचाव और राहत उपाय कर स्थिति को सामान्य करना है। उन्होंने कहा कि यदि इस समय सत्र बुलाया जाता है तो बचाव और राहत अभियान में लगे सुरक्षाकर्मियों को विधानसभा से संबंधित कर्त्तव्यों के लिए तैनात करना होगा, जिससे राहत प्रक्रिया में बाधा आएगी। काठगढ़ शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष ओपी कटोच ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख रुपये का चेक भेंट किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री चंद्र कुमार, विधायक भवानी सिंह पठानिया और मलेंदर राजन, राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अजय महाजन, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस जिला नूरपुर के पुलिस अधीक्षक अशोक रतन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
एमआईएस के तहत सेब खरीद मूल्य 1.50 रुपये प्रति किलो की वृद्धि प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने करार दिया ऐतिहासिक निर्णय आपदा से सेब को भारी नुकसान हुआ है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एमआईएस के तहत सेब खरीद मूल्य में 1.50 रुपए बढ़ौतरी का ऐलान किया। यानी एमआईएस का सेब अब 12 रुपए प्रति किलो के हिसाब से लिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सौरव चौहान ने सरकार के इस निर्णय को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि आपदा के इस दौर में विपक्ष यानी बीजेपी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से हज़ारों करोड़ों का नुक़सान हुआ है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपनी टीम के साथ ग्राउंड जीरो से काम कर रही है। यानी प्रदेश को रीस्टोर करने के लिए सीएम सुक्खू पहले दिन से काम कर रहे है। सुक्खू सरकार द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों की सम्मान राशि में 20 हज़ार रुपये की वृद्धि पर प्रदेश कांग्रेस ने जमकर स्वागत किया है। पीसीसी प्रवक्ता सौरव चौहान ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा लिये गए निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हैं तो सब कुछ मुमकिन हैं। सौरव चौहान ने कहा कि सीएम सुक्खू ने ठीक स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों को मिलने वाली सम्मान राशि 15000 से बढ़ाकर 25000 तथा स्वतंत्रता सेनानियों की विधवाओं को मिलने वाली राशि 15,000 से 20,000 करने का की घोषणा की। यह अपने आप में। व्यवस्था परिवर्तन है। उन्होंने मानव कि स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को दी जाने वाली पेंशन में भी 50 फीसदी बढ़ौतरी की घोषणा की। शहीदों को अब 20 लाख की जगह अब 30 लाख दिए जाएंगे। मनरेगा की दिहाड़ी 224 से 240 रुपए तथा ट्राइबल एरिया में इसे 280 से 294 करने की बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी शिशु मातृ योजना की शुरुआत तथा इसके लिए 50 करोड़ के बजट का प्रावधान करने की ऐलान किया।
हमीरपुर : भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के भारत मां के लिए संजोए सपनों को हम पूरा होता देख रहे : धूमल
देश के सबसे महान नेता भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत माता को परम वैभव तक पहुंचाने के लिए बहुत से सपने संजोए थे जिनको हम अपने जीवन में पूरा होते हुए देख रहे हैं यह हमारे लिए गर्व का विषय है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफ़ेसर प्रेम कुमार धूमल ने उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह शब्द व्यक्त किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धा अटल जी कहते थे 21वीं सदी भारतवर्ष की होगी और आज हम सब इस बात के साक्षी हैं कि पूरे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। प्रो धूमल ने स्मरण कराया कि 1998 में जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृतव में भाजपा सरकार बनी थी, तब उन्होंने सपना देखा था की देश का हर गाँव पक्की सड़क से जुड़े। इस सपने को साकार करने के लिए प्रधानमन्त्री ग्राम सड़क योजना का शुभारंभ हुआ था। प्रदेश में तत्कालीन भाजपा सरकार के समय इस योजना के तहत डीपीआरें बनी थीं और प्रदेश में सडकों का जाल बिछा था, जो अभूतपूर्व था, आजादी के बाद प्रदेश के विकास की नींव में वह मील पत्थर साबित हुआ था। पूर्व सीएम ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि 19 मार्च 1998 को श्रद्धेय अटल जी देश के प्रधानमंत्री बने और 24 मार्च को उसी सप्ताह मैं भी प्रदेश का मुख्यमंत्री बना। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अटल द्वारा देखा गया हर एक सपना धीरे-धीरे करके एक-एक करके पूरा हो रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी भारत माता को विश्व गुरु बनने की राह पर अग्रसर करते हुए अथक मेहनत कर रहे हैं पूरा देश उनके साथ खड़ा है। जब हमारा देश परम वैभव की पराकाष्ठा तक पहुंच जाएगा विश्व गुरु बन जाएगा तो यही सारे देश की श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष देशराज शर्मा ने भी अटल जी की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
उप मुख्यमंत्री ने पेयजल योजनाओं के नुकसान का लिया जायज़ा सभी स्कीमों से 48 घंटे के भीतर पेयजल आपूर्ति बहाल करने के दिए निर्देश उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बारिश और बाढ़ से पेयजल को हुए नुकसान का जायज़ा लेने के लिए जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता संजीव कौल, धर्मेेंद्र गिल, मुख्य अभियंताओं सहित प्रदेश के सभी अधीक्षण अभियंता व अधिशाषी अभियंता शामिल रहे। बैठक में प्रमुख अभियंता ई. संजीव कौल ने जानकारी दी कि पिछले महीने हुई बरसात में क्षतिग्रस्त हुई स्कीमों में से विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों की दिन-रात मेहनत से लगभग सभी स्कीमों को आंशिक और पूर्णरूप से बहाल कर दिया था परन्तु हाल ही में हुई बारिश और बाढ़ में पेयजल योजनाओं को पुन: भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि अभी तक बारिश और बाढ़ के कारण 9508 पेयजल स्कीमें क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिनमें से 8273 को आंशिक और पूर्णरूप से बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक विभाग को 1842 करोड़ का नुकसान हो चुका है। पिछले 4 दिनों के भीतर हुई बारिश में ही विभाग को 212 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जिलावार व वृतवार हुए नुकसान और प्रगति रिपोर्ट की जानकारी ली। उन्होंने विभाग के कर्मचारियों और फील्ड अधिकारियों के काम पर संतुष्टि जताते हुए कहा कि विभाग बरसात, भूस्खलन और उफनते नदी-नालों के बावजूद स्कीमों को ठीक करने और बहाल करने में जुटा हुआ है। उन्होंने माना कि हालांकि इस बार मुश्किलें ज्यादा हैं। रोड़ टूटे हुए हैं। स्कीमों तक पहुंचने में भी कठिनाई आ रही है लेकिन इसके बावजूद उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग जल्दी ही स्कीमों को सुचारू रूप से चलाने में सक्षम हो पाएगा। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां अधिक नुकसान की वजह से देरी से स्कीमों की बहाली की संभावना है वहां 48 घंटे के भीतर पेयजल की वैकल्पक व्यवस्था की जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टाफ दिन-रात काम करके लोगों को पेयजल मुहैया करवाने की कोशिश करें मगर साथ ही ध्यान दें कि किसी कर्मचारी या अधिकारी का जीवन जोखिम में न पड़े। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दिनों उनकी टीम केंद्रीय मंत्री से भी मिली थी। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार से आग्रह किया कि प्रदेश में हो रहे नुकसान के मद्देनज़र केंद्र सरकार इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करे। उन्होंने पेयजल स्कीमों की बहाली के लिए भी वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। उप मुख्यमंत्री ने विभाग की स्कीमों को हुए नुकसान के बारे में केन्द्र को अवगत करवाने के निर्देश भी दिये। उप मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि स्कीमों की बहाली के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने स्कीमों की मरम्मत के लिए विभाग को तुरंत 50 करोड़ रुपये की राशि जारी करने का आश्वासन दिया। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पेयजल की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता न करें। पानी के सैंपल नियमित तौर पर लिए जाएं और पानी में उचित मात्रा में क्लोरिनेशन भी की जाए। उन्होंने सभी मुख्य अभियंताओं से व्यक्तिगत तौर पर इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज शिमला के कृष्णा नगर का दौरा कर, भूस्खलन के कारण प्रभावित हुए परिवारों से भेंट की। प्रभावितों को रहने के लिए सामुदायिक हाल में वैकल्पिक स्थान प्रदान किया गया है। उन्होंने प्रभावितों के साथ संवाद भी किया। राज्यपाल ने प्रभावितों को राज्य रेडक्रॉस के माध्यम से राहत सामग्री भी वितरित की। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और राष्ट्रीय रेडक्रॉस प्रबंधन समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर भी उपस्थित थीं। प्रदेश सहित शिमला शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के दौरान कई जगहों पर भू-स्खलन के कारण जान-माल की क्षति हुई है। शहर के कृष्णा नगर में कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और कुछ अन्य खतरे की जद में हैं। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों द्वारा राज्यपाल को अवगत करवाया गया कि यहां पर लगभग 250 से 300 परिवार प्रभावित हुए हैं। शुक्ल ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में हर व्यक्ति को मदद के लिए आगे आना चाहिए। राज्य सरकार हर स्तर पर प्रभावितों को राहत पहुंचा रही है। उन्होंने जिला प्रशासन को घरों के लिए खतरा बने पेड़ों को हटाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने यहां रहने वाले प्रभावित परिवारों के लिए बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि असंख्य वीर सपूतों के समर्पण से आज हम सब आजादी की हवा में सांस ले रहे है। डॉ. शांडिल आज सोलन ज़िला के कसौली तहसील के कण्डा में यंग फार्मर क्लब कण्डा द्वारा आयोजित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कण्डा के प्रागंण में स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बड़े लम्बे संघर्ष के उपरांत भारतवर्ष को आज़ादी दिलवाने में हिमाचल प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज बड़ी कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्वयं फ्रंटलाईन पर आकर प्रभावितों को सहायता एवं उनके पुनर्वास का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही प्रदेशभर हुई त्रासदी में हुए जान-माल के नुकसान का स्वयं जायज़ा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भारी वर्षा से हुए नुकसान के प्रभावितों की यथासम्भव सहायता करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के पुनर्वास कार्य में गति लाने के लिए प्रदेश सरकार वचनबद्ध है ताकि प्रभावितों का जीवन सामान्य हो सके। उन्होंने ग्राम पंचायत हुडंग में बहु उद्देशीय सभागार भवन के आरम्भिक निर्माण कार्य के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। 14 और 15 अगस्त, 2023 को 60 किलोग्राम से भार वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में 25 टीमों ने भाग लिया। कबड्डी प्रतियोगिता में ए.डी.सी बड़ोग विजेता रहे। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके निपटारे के निर्देश दिए। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने ग्राम पंचायत हुडंग के गांव खडोग में पक्का रास्ते के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर जोगिंद्रा बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, खण्ड कांग्रेस सोलन के महासचिव रोशन ठाकुर, नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, खण्ड कांग्रेस कसौली के अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, खण्ड कांग्रेस कसौली महिला की अध्यक्ष रंजना,ग्राम पंचायत हुडंग की प्रधान लक्ष्मी देवी, उप प्रधान गोपाल सिंह ठाकुर, ग्राम पंचायत गुल्हाड़ी के पूर्व प्रधान संजय, उपमण्डलाधिकारी कसौली गौरव महाजन सहित अन्य गणमान्य व स्थानीय लोग उपस्थित थे।
शिमला के गेयटी थियेटर में जारी दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी बुधवार, 16 अगस्त को संपन्न हुई । प्रदर्शनी भारत सरकार के सूचना प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो की शिमला इकाई द्वारा आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी में भारत सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल की उलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। देश के विकास की झलक दिखलाती प्रदर्शनी को देखने में आम जनता ने ख़ासी रुचि दिखाई। एक तरफ़ जहां गरीब, किसानों, महिलाओं के लिए शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई वहीं इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़क, शहरी विकास इत्यादि के क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व प्रगति की झलक भी चित्रों के माध्यम से दिखाई गई। प्रदर्शनी में हिमाचल प्रदेश से देश के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों के बलिदान की गाथा भी प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी के इस हिस्से ने भी लोगों को बहुत आकर्षित किया। केंद्रीय संचार ब्यूरो शिमला के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी प्रकाश पंत ने कहा कि इस दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य चित्रों के माध्यम से केंद्र सरकार की 9 वर्षों में किये गए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और वीरों की गाथाओं को जनता तक पहुंचाना है। चित्र प्रदर्शनी के दौरान एनसीसी कैडेट्स के लिये विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पहले दिन 15 अगस्त को राष्ट्र निर्माण के विभिन्न विकासात्मक विषयों पर चित्रकला एवं संदेश लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संदेश लेखन में कैडेट प्रत्युष ने प्रथम, कैडेट अंजलि सोनी ने द्वितीय एवं कैडेट शीतल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया वहीं चित्रकला में कैडेट गुड्डू ने प्रथम, कैडेट धनंजय ने द्वितीय एवं तीसरा स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के दूसरे दिन 16 अगस्त को एन सी सी कैडेट्स के लिये एक प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रश्नोत्तरी में कैडेट मोहित , आयुष , जीत सिंह , अक्षिता , शगुन , सुदीक्षा, रजत , यामिनी , स्नेहा और सुनीता विजेता रहे । सभी विजेताओं को विभाग की तरफ से पुरस्कृत किया गया। दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी के दौरान संभागीय आयुक्त, शिमला, संदीप कदम विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया और प्रदर्शित चित्रों की सराहना की। प्रदर्शनी को भारी संख्या में स्थानीय लोगों देखा और पिछले 9 वर्षों में केंद्र सरकार की योजनाओं की अभूतपूर्व प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
युद्ध स्तर पर चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि इंदौरा और फतेहपुर में रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि यहां राहत व बचाव कार्य के लिए के लिए एयरफोर्स के कुल दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। इसके अलावा भारतीय सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस के जवान भी बचाव कार्य में लगे हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान दोनों क्षेत्रों से अभी तक कुल 766 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। जिनमें 213 को चॉपर, 422 लोगों को बोट तथा 131 लोगों को अन्य माध्यमों से निकाला गया है। इंदौरा में 493 लोग किए रेस्क्यू डीसी ने बताया कि इंदौरा उपमंडल में अभी 493 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। इनमें से हेलीकॉप्टर की 3 उड़ानों के माध्यम से 71 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया तथा बोट के द्वारा 422 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। रेस्क्यू किए गए लोगों में मंड घंडरा से 25, अरनी विश्वविद्यालय से 30, बडाला से 16, बेला इंदोरा से 72, मंड भोगरवां से 45, मंड मियानी से 181, उलैड़ियां से 102, धमेटा से 9 तथा हलेर से 13 लोग सुरक्षित निकाले गए हैं। उन्होंने बताया कि इंदोरा में वायुसेना के हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट किए गए 71 लोगों में से पिछले 10 महीने से ब्रेन हेमरेज से बीमार मंड घंडरा की 68 वर्षीय श्रोती देवी को रेस्क्यू किया गया, 1 माह की बच्ची मनुश्री को उसकी मां आशा रानी के साथ निकाला गया। जबकि पराल की ज्योति देवी को उनके 8 दिन के बेटे लवयांश तथा 8 माह की गर्भवती गीता को एयरलिफ्ट किया गया। फतेहपुर से 273 लोग निकाले जिलाधीश ने बताया कि फतेहपुर उपमंडल में अभी तक कुल 273 लोगों को रेस्क्यू किया गया है। उन्होंने बताया कि इनमें से 142 लोगों को एयरफोर्स के चॉपर की 6 उड़ानों के माध्यम से एयरलिफ्ट किया गया वहीं 131 लोगों को अन्य माध्यमों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। रिलीफ कैंपों में ठहरे 271 लोग डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि इंदोरा और फतेहपुर उपमंडल में रेस्क्यू किए गए लोगों के लिए प्रशासन द्वारा रिलीफ कैंप लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि हेलीपैड से एचआरटीसी की बसों के माध्यम से लोगों को राहत शिविरों में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों उपमंडलों में कुल 271 लोगों ने आज राहत शिविरों में आश्रय लिया है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर उपमंडल में प्रशासन द्वारा स्थापित राहत शिविरों में 266 लोग रह रहें हैं, जिनमें फतेहपुर रिलीफ कैंप में 96 तथा बढूखर में 170 लोगों ने पनाह ली है। वहीं 7 लोग अपने रिश्तेदारों के पास ठहरे हैं। वहीं इंदोरा में रेस्क्यू किए गए लोगों में से केवल पांच लोग ही राहत शिविर में ठहरे हैं तथा बाकि सभी ने अपने सगे संबंधियों के पास रह रहे हैं। अभी जारी है रेस्क्यू
भारत मां की जय के उद्घोष से राष्ट्रभक्ति से सराबोर हुआ विवि परिसर जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी विश्वविद्यालय में मंगलवार को 77वां राष्ट्रीय स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक पुरी सहित विश्वविद्यालय के अधिकारियों एवं स्टाफ के सदस्यों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान राष्ट्रगान जन गण मन और भारत मां की जय के उद्घोष से विश्वविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक पुरी ने अपने संबोधन में कहा कि हर भारतवासी को स्वतंत्रता दिवस की भावना और शक्ति से प्रेरणा लेकर राष्ट्रीय उन्नति में अपना सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद से अब तक भारत ने असंभव से प्रतीत होने वाले विकास के कई शिखर छुए हैं। आज हम सभी भारतवासियों को संकल्प लेना चाहिए कि अमृत काल में भारत को विश्व ताकत बनाने के लिए बड़े स्वप्न देखते हुए उन्हें साकार करने के लिए कठिन परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने आईईसी विश्वविद्यालय की तरफ से सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं, बुधवार को विश्वविद्यालय में नए सत्र की शुरुआत हवन-पूजा के साथ की गई। इसके पश्चात पहले सत्र के बच्चों की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी की गई। विश्वविद्यालय में पूरे उत्साह के साथ नए सत्र की शुरुआत की गई। विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित संवाद में बच्चों को विश्वविद्यालय की उपलब्धियों एवं शिक्षा पद्धति की जानकारी विस्तार से दी गई। इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक पुरी ने प्रथम वर्ष के बच्चों के साथ संवाद के दौरान कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षा-दीक्षा के दौरान अपने व्यक्तित्व निर्माण का जो अवसर मिला है, उसका आप सभी समुचित लाभ लें और पाठ्यक्रम के साथ-साथ अपने कौशल को पहचान कर उसे निखारने के लिए प्रयास करते रहें। उन्होंने आईईसी विश्वविद्यालय की ओर से छात्रों एवं अभिभावकों को भविष्य में हर संभव सहायता मुहैया करवाने हेतु आश्वस्त किया।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला किन्नौर के आईटीडीपी भवन में राहत एवं पुनर्वास कार्य को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आपदा के समय जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, विद्युत विभाग, राजस्व विभाग, भारतीय सेना, आईटीबीपी, होम गार्ड, पुलिस इत्यादि द्वारा किए गए राहत कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बाढ़ व भारी बारिश के कारण हुई क्षति की बहाली का कार्य शीघ्र किया जाना चाहिए और संबंधित विभागों को इस संदर्भ में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र जमा करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जिला किन्नौर में भारी बारिश, भूस्खलन व बाढ़ के कारण अब तक लगभग 107.354 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। जिला किन्नौर में आपदा के कारण घर, दुकानों, घराट, गौशाला इत्यादि के नुकसान के लिए प्रभावित परिवारों को अब तक 1 करोड़ 43 लाख 88 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। जिला किन्नौर में कृषि क्षेत्र में हुए नुकसान के लिए अब तक लगभग 16 लाख 87 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की जा चुकी है। बैठक में अवगत करवाया गया कि जिला किन्नौर में आपदा के कारण जल शक्ति विभाग के रिकांग पिओ व पूह मंडल में अब तक 242 योजनाएं प्रभावित हुई हंै जिनका अनुमानित नुकसान 2639.50 लाख रुपये है। जिला किन्नौर में आपदा के कारण कृषि क्षेत्र में लगभग 119.11 लाख रुपये तथा पशुपालन विभाग द्वारा प्रस्तुत की गई क्षति की रिपोर्ट के अनुसार जिला किन्नौर में अब तक मवेशियों व कुकट पक्षियों का नुकसान लगभग 1 करोड़ 4 लाख 90 हजार रुपये है। बैठक में बताया गया कि जिला किन्नौर में मलिंग नाला, उरनी ढांक तथा पंगी नाला में चट्टान स्थिरीकरण और विभिन्न स्थानों पर नदी व नालों के तटीकरण का कार्य करना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त मुख्य मार्ग, संपर्क सडक के साथ-साथ ढंगा लगाना ,मलबा व बडे पत्थरों को हटाना, इत्यादि जैसे कार्य प्राथमिकता पर किए जाने हैै। इसके उपरांत जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने साडा के तहत पिछले तीन वर्षों में किए गए कार्यों की समीक्षा ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साडा के तहत आने वाले क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रीकरण का कार्य सुनिश्चित किया जाए तथा एकत्रीकरण के उपरान्त कूड़े का उचित निपटान किया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने साडा क्षेत्र में स्ट्रीट लाईट, सार्वजनिक शौचालय तथा सीवरेज की व्यवस्था को सुचारू ढंग से बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने साडा क्षेत्र के तहत आने वाले मुख्य मार्गों व बाजार में लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए एहतियाती कदम उठाने के भी निर्देश दिए। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के तहत किए जा रहे विभिन्न विकासात्मक कार्यों को पूर्ण करने में शीघ्र लाएं। इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर तोरूल रवीश, पुलिस अधीक्षक विवेक चाहल, वनमण्डलाधिकारी अरविंद, अतरिक्ति जिला दण्डाधिकारी पूह विनय मोदी, उपमण्डलाधिकारी कल्पा डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, उपमण्डलाधिकारी निचार बिमला वर्मा, सहायक आयुक्त संजीव कुमार भोट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने शिमला में आपदा प्रभावित लालपानी क्षेत्र का किया दौरा प्रदेश में शहरी जल निकासी प्रणालियों को मजबूत करने और पहाड़ी अस्थिरता को रोकने के लिए उचित जल प्रबंधन की आवश्यकता है। राज्य सरकार जल निकासी प्रणालियों को मजबूत करने और निर्माण के लिए ठोस संरचनात्मक डिजाइन सिद्धांतों को एकीकृत करने के लिए एक व्यापक योजना विकसित की जाएगी। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार देर शाम भूस्खलन प्रभावित शिमला के लालपानी क्षेत्र का दौरा करने के पश्चात कही। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्र में नुकसान का जायजा लिया और जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की समय पर प्रतिक्रिया से नुकसान काफी कम हो गया है क्योंकि इन घरों में रहने वाले लोगों को आसन्न खतरे के कारण पहले ही खाली करा लिया गया था। उन्होंने कहा कि इन उपायों के अलावा राज्य सरकार एक व्यापक, दीर्घकालिक आपदा योजना तैयार कर रही है। इसके कार्यान्वयन के लिए लगभग 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जाएगा, जिसका उद्देश्य भविष्य की आपदाओं के प्रभाव को कम करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण सोमवार को 60 से अधिक लोगों की जान चली गई और यह संख्या बढ़ने की संभावना है। इसका प्रभाव शिमला में सबसे गंभीर रहा, जबकि कांगड़ा जिला के फतेहपुर में किसानों को फसल का नुकसान हुआ। पौंग बांध से पानी छोड़े जाने के कारण लगभग 300 लोगों के फंस जाने के बाद बचाव अभियान चलाया गया और सभी व्यक्तियों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि लगातार भारी बारिश के कारण मंडी जिले में भी काफी नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री ने आपदा के समय में नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर द्वारा केवल राजनीति करने पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार राहत और बचाव कार्यों पर दृढ़ता से ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने विपक्ष द्वारा इस संकट की स्थिति में विधानसभा के विशेष सत्र की मांग की उपयुक्तता पर सवाल उठाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार दस दिवसीय विधानसभा सत्र आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में पुलिस कर्मियों की आपदा प्रतिक्रिया प्रयासों के लिए उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने अपने सुरक्षा कवर को भी कम किया है। उन्होंने विपक्ष से राजनीतिक दिखावे में उलझने के बजाय मौजूदा स्थिति की गंभीरता को समझते हुए प्रदेश हित को प्राथमिकता देने को कहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, ओएसडी रितेश कपरेट, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उपायुक्त आदित्य नेगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर ने आज राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को वर्ष 2022-23 के लिए आयोग की 52वीं वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर आयोग के सदस्य डॉ. रचना गुप्ता, राकेश शर्मा, कर्नल राजेश कुमार शर्मा और डॉ. नैन सिंह तथा आयोग के सचिव डीके रतन भी उपस्थित थे। राज्यपाल ने आयोग द्वारा इस वर्ष के दौरान विभिन्न लक्ष्यों को प्राप्त करने में सभी सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। कैप्टन रामेश्वर सिंह ठाकुर ने राज्यपाल को अवगत करवाया कि राष्ट्रीय सूचना केंद्र (एनआईसी) की सहायता से वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) और ऑनलाइन भर्ती आवेदन (ओआरए) सहित ऑनलाइन भर्ती प्रणाली (ओआरएस) को बेहतर बनाने और इसे उपयोगकर्ताओं के अधिक अनुकूल और त्रुटि रहित बनाने के लिए बेहतर प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लिखित परीक्षाओं का आयोजन केवल सीसीटीवी युक्त संस्थानों में ही सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रणाली को सुदृढ़ किया गया है। अभ्यर्थियों की मांग और बदलते परिदृश्य के दृष्टिगत व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नए नियम तैयार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि एचपीपीएससी-आईसीटी परियोजना के सफल कार्यान्वयन के लिए कंप्यूटर सोसायटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोग को परियोजना श्रेणी में 'राज्य सरकार 20वें एसआईजी ई-गवर्नेंस पुरस्कार-2022Ó से भी सम्मानित किया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य तिथि पर आज यहां रिज पर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक कुशल वक्ता और स्पष्टवादी नेता थे। सभी राजनीतिक दलों के नेता उनका आदर करते थे। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्श सभी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, नगर निगम शिमला के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल, पार्षदगण, उपायुक्त आदित्य नेगी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल 17 अगस्त को सोलन जिला के प्रवास पर रहेंगे। डॉ. शांडिल 17 अगस्त को दोपहर 1 बजे ग्राम पंचायत हिन्नर की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौड़ा में विज्ञान खंड की आधारशिला रखेंगे। तदोपरांत दोहपर बाद 2 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गौड़ा में जन समस्याएं भी सुनेंगे।
जिला ऊना में बीजेपी कार्यालय में आज बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अटल विहारी वाजपेयी की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रदांजलि दी। इस मौके पर बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी उन राजनेताओं में से एक हैं, जिन्होंने आम जनमानस के ऊपर अपना प्रभाव स्थापित किया। एक छोटे से परिवार से उठकर जब जनसंघ यात्रा को तय किया। तब 1980 में भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ तो बंबई में अटल विहारी वाजपेयी को अध्य्क्ष के रूप में पार्टी ने चुना। सतपाल सत्ती ने कहा कि देश में एक महान आत्मा राजनीतिक क्षेत्र में पैदा हुई, जिनके नेतृत्व में देश ने अपना पहला सफल परमाणु परीक्षण किया था। कारगिल युद्ध में विजय हासिल की, जिसमें सैकड़ों जवानों ने अपनी जान देश पर न्यौछावर की। यह अटल बिहारी वाजपेयी के कुशल नेतृत्व के कारण ही सफल हुआ।
जोगिंदर नगर उपमंडल की कस पंचायत के कस रक्कड़ गांव के निवासी संजीव कुमार पिछली रात को ड्रीम 11 में 40 लाख रुपये जीते। उनके घर और गांव में खुशी का माहौल है। सजीव कुमार से जब इस बारे बात की गई तो होने बताया कि वह पिछले 11 महीने से ड्रीम 11 में कई टीमें लगाकर खेल रहे थे। इसी क्रम में उन्होंने पिछले कल फिर से 9 टीमें लगाई व 40 लाख रुपये जीत गए। उन्होंने कहा कि वह अपनी जीत का श्रेय अपनी पत्नी को देते हैं, जिनकी प्रेरणा से वे लगातार 11 महीने से इस गेम को खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह इस पैसे से अपने कारोबार को और बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने क्षेत्र भी जनता को संदेश दिया कि वे भी ड्रीम 11 में खेलते रहें क्योंकि किस्मत का दरवाजा कब खुल जाए, किसी को नहीं पता।
लॉरेट फार्मेसी शिक्षण संस्थान कथोग को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद ने ए ग्रेड से प्रमाणित किया है। लॉरेट संस्थान के निरीक्षण में हुए मूल्यांकन के आधार पर संस्थान को यह ग्रेड मिला है। फार्मेसी संस्थान के प्रबंधक एवं, निर्देशक डॉ रण सिंह और प्राचार्य एवं निर्देशक डॉ एमएस आशावत ने बताया कि वर्ष 2022 में संस्थान ने प्रथम चरण के नेक मूल्यांकन हेतु आवेदन किया था। 25 -26 जुलाई को तीन सदस्यीय टीम ने संस्थान का निरीक्षण किया था इसके बाद नेक कार्यालय ने लॉरेट फार्मेसी शिक्षण की ग्रेड शीट जारी करते हुए महाविद्यालय को सभी मापदंडों में उत्कृष्ट पाते हुए ए ग्रेड प्रदान किया। संस्थान के प्राचार्य एवं निर्देशक डॉ एमएस आशावत ने कहा कि हमारी इस सफलता में संस्थान के शिक्षक, गैरशिक्षक, विद्यार्थी, संस्थान के पूर्व विद्यार्थी व अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने उसके लिए सभी को बधाई दी है।
अभी और लोगों के होने की आशंका, तलाशी अभियान जारी राजधानी शिमला के समरहिल में 14 अगस्त को हुए भारी भूस्खलन के बाद शिव मंदिर में दबे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, स्थानीय पुलिस और होम गार्ड द्वारा बचाव अभियान जारी है। एसडीएम शिमला (शहरी) भानु गुप्ता ने बताया कि अब तक 13 शव बरामद निकाल लिए गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक 21 शव हो सकते हैं, जिनमें से पिछले दो दिनों में 14 शव बरामद किए हैं। एसडीएम ने कहा कि खोज अभियान जारी है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, स्थानीय पुलिस और होम गार्ड अभियान में लगे हुए हैं। अगर हमें कुछ लोगों के जीवित होने की कोई सकारात्मक खबर मिलती है, तो हम उन्हें ठीक से बचा लेंगे। समरहिल में एक ही परिवार के सात लोग भी लापता हैं। अपनों का अभी तक पता नहीं चलने से परिजन परेशान हैं। ये वो लोग हैं जो शिव मंदिर में थे। लेकिन इसके अलावा रास्ते से निकल रहे कितने लोग भूस्खलन की चपेट में आए उसकी जानकारी नहीं है। स्थानीय पार्षद ने यह जानकारी दी है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार जब भूस्खलन हुआ तो मंदिर में पूजा का कार्य चल रहा था। अधिकतर लोग मलबे के साथ नीचे बह गए। इसको देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व स्थानीय प्रशासन की एक टीम को नीचे नाले में भेजकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं, शिमला पुलिस ने अपील की है कि यदि शिवबाड़ी मंदिर हादसे के बाद शिमला व समरहिल के आसपास के क्षेत्र से यदि कोई व्यक्ति गुमशुदा है तो कि उसका नाम, पता, मोबाइल नंबर व संपूर्ण जानकारी साझा करें। इसके लिए पुलिस स्टेशन बालूगंज 01772830193, पुलिस कंट्रोल रूम शिमला 01772800100 व 112 पर सूचित करें। दरअसल, सावन का सोमवार होने के कारण सुबह से ही समरहिल के शिवमंदिर में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। भारी बारिश के चलते सुबह करीब 7:15 बजे धमाके के साथ भारी मलबा पेड़ों समेत मंदिर पर जा गिरा। इससे यह मंदिर पूरी तरह से मलबे में दब गया। जो लोग मंदिर पहुंचे थे, उन्हें भागने तक का मौका नहीं मिला।
डीसी बोले- हेलीपैड से बसों के माध्यम से राहत शिविरों तक पहुंचाए लोग डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि इंदौरा और फतेहपुर उपमंडल में रेस्क्यू किए गए लोगों के लिए प्रशासन द्वारा रिलीफ कैंप लगा गए हैं। उन्होंने बताया कि हेलीपैड से एचआरटीसी की बसों के माध्यम से लोगों को राहत शिविरों में भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दोनों उपमंडलों में कुल 271 लोगों ने आज राहत शिविरों में आश्रय लिया है। उन्होंने बताया कि फतेहपुर उपमंडल में प्रशासन द्वारा स्थापित राहत शिविरों में 266 लोग रह रहे हैं, जिनमें फतेहपुर रिलीफ कैंप में 96 तथा बढूखर में 170 लोगों ने पनाह ली है। वहीं 7 लोग अपने रिश्तेदारों के पास ठहरे हैं। वहीं इंदौरा में रेस्क्यू किए गए लोगों में से केवल पांच लोग ही राहत शिविर में ठहरे हैं तथा बाकी सभी अपने सगे-संबंधियों के पास रह रहे हैं।
कांगड़ा में 6, शिमला में 2 और मंडी व सिरमौर में 1-1 टीम कर रही बचाव कार्य हिमाचल प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में बादल फटने और लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़, भूस्खलन और इमारत ढहने की घटनाएं हो रही हैं। इस आपदा की घड़ी में मानसून सीजन के शुरुआत से ही 14 वाहिनी एनडीआरएफ की टीमें दिन-रात हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग स्थान पर राहत एवं बचाव कार्य कर रही हैं। पिछले 3 दिनों से हो रही लगातार बारिश से ब्यास नदी का जलस्तर भी बहुत बढ़ गया है, जिसके कारण पौंंग डैम का पानी खतरे के निशान पर पहुंच गया है तथा पौंग डैम से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है पौंंग डैम से पानी छोड़े जाने के कारण निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बन गया है। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की 6 टीमें बलजिंदर सिंह, सेनानी के मार्गदर्शन में कांगड़ा जिले के विभिन्न स्थानों पर दिन-रात राहत एवं बचाव कार्य कर रही हैं। कांगड़ा जिले में 3 टीमें इंदौरा, 1 टीम ज्वालामुखी और 2 टीमें फतेहपुर में, जबकि जिला शिमला में समर हिल में 2 टीमें, सिरमौर जिला के काला कालाअंब में 1 और जिला मंडी के धर्मपुर में 1 टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई है। एनडीआरएफ द्वारा अभी तक ज्वालामुखी क्षेत्र से 67 लोगों को, इंदौरा से 138 लोगों को एवं फतेहपुर से 7 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है और वाहिनी की 2 अन्य टीमों द्वारा समर हिल शिमला से भूस्खलन रेस्क्यू ऑपस के दौरान अभी तक 4 मृत देह को मलबे से बाहर निकाला गया है। ऑप्स के दौरान सभी रेसस्क्यूर्स का मोराल बहुत उच्च दर्जे का है और सभी रेसस्क्यूर्स पूरे जोश के साथ रेस्क्यू ऑप्स में तैनात हैं। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
हिमाचल प्रदेश में पिछले 72 घंटों से लगातार जारी रही बारिश ने तबाही मचा दी है। शिमला के कृष्णानगर विष्णु मंदिर क्षेत्र में बड़ा भूस्खलन हुआ है। करीब छह भवनों के ढहने की सूचना है। दो से तीन और मकानों को खतरा पैदा हो गया है। भूस्खलन में नगर निगम का इकलौता स्लॉटर हाउस भी जमींदोज हो गया है। पार्षद बिट्टू कुमार के अनुसार दो-तीन लोग मलबे में दबे हुए हैं। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि पहले ही यहां दरारें शुरू हो गई थीं। ऐसे में लोग अपना सामान भी निकल रहे थे। चार नेशनल हाईवे और 857 सड़कें बंद सूबे में चार नेशनल हाईवे और 857 सड़कें बंद हैं। इसके अतिरिक्त 4285 बिजली ट्रांसफार्मर और 889 जलापूर्ति योजनाएं भी बंद पड़ी हैं। मंडी जिले में सबसे अधिक 323 और शिमला 234 सड़कें बाधित हैं। मंडी जिले में 2610 और शिमला में 808 बिजली ट्रांसफार्मर ठप पड़े हैं। मंगलवार को किरतपुर-नेरचौक फोरलेन को घुमारवीं के पनोह के पास भारी नुकसान हुआ है। फोरलेन एक तरफ से धंस गया है। मानसून में अब तक 83 लोगों की मौत राज्य में इस मानसून सीजन के दौरान 24 जून से 14 अगस्त तक 83 लोगों की मौत हो चुकी है। 304 घायल हुए हैं। अब तक 1442 घर ढह गए हैं। 8160 घरों को नुकसान पहुंचा है। 272 दुकानों व 2997 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून में अभी तक 7170.85 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। राज्य में भूस्खलन की 112 और अचानक बाढ़ की 58 घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
डॉ यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में 77वां स्वतंत्रता दिवस आज मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल द्वारा विश्वविद्यालय के डॉ एलएस नेगी सभागार परिसर में तिरंगा फहराया गया। विश्वविद्यालय के वैधानिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, एनसीसी ऑफिसर, विश्वविद्यालय की सभी कर्मचारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के 105 एनसीसी कड़ेट्स और एनएसएस वॉलंटियर द्वारा परेड में हिस्सा लिया गया। विश्वविद्यालय में कार्यरत २१ सुरक्षाकर्मियों की एक टुकड़ी ने भी इस परेड में भाग लिया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया और सलामी ली गई। अपने संदेश में प्रोफेसर चंदेल ने छात्रों और संकाय को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दी। उन्होंने देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयासों को नमन किया जिनके संघर्ष और निस्वार्थ बलिदान से देश को आज़ादी मिली और हमारा देश आज दुनिया में सबसे तेज़ी से आगे बढ्ने वाला देशों में शुमार है। प्रोफेसर चंदेल ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों से राष्ट्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए कर्तव्यदायी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आग्रह किया और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को स्वतंत्रता के वास्तविक अर्थ और महत्व को समझना चाहिए जो हमारे पूर्वजों के वर्षों के बलिदान के कारण हमें हासिल हुई है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। प्रोफेसर चंदेल ने इस अवसर पर हिमाचल में पिछले एक माह में आई प्राकृतिक आपदा में जान गवानें वाले व्यक्तियों को श्रद्धांजली दी और पीड़ित परिवारों के लिए प्रार्थना की। उन्होनें विश्वविद्यालय के कर्मचारियों का इस आपदा के समय में मुख्यमंत्री राहत कोष में २६ लाख रुपये (वर्तमान में कर्मचारी) और १७ लाख रुपये (सेवानिवृत कर्मचारी) का योगदान देने के लिए धन्यवाद किया। उन्होनें एक बार फिर से सभी कर्मचारियों और विशेषकर छात्रों को आगे आने का आग्रह किया और अपने स्थर पर पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रयास करने का आग्रह किया और कहा कि यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों को सही माएने में श्रद्धांजली होगी।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में आज स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय व सादगी पूर्ण तरीके से मनाया गया। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्र राव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर, न्यायमूर्ति अजय मोहन गोयल, न्यायमूर्ति संदीप शर्मा, न्यायमूर्ति ज्योत्सना रिवाल दुआ, न्यायमूर्ति सत्येन वैद्य, न्यायमूर्ति सुशील कुकरेजा, न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह, न्यायमूर्ति रंजन शर्मा, न्यायमूर्ति बी.सी. नेगी और न्यायमूर्ति राकेश कैंथला उपस्थित थे। अध्यक्ष, हि.प्र. राज्य मानवाधिकार आयोग के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पी.एस. राणा, लोकायुक्त हिमाचल प्रदेश न्यायमूर्ति सी.बी. बरोवालिया, पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी.के. शर्मा, महाधिवक्ता अनूप रतन, उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकुश दास सूद, भारत के डिप्टी सॉलिसिटर जनरल बलराम शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता और उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के सदस्य, रजिस्ट्रार, न्यायिक अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भीइस अवसर पर उपस्थित थे। उच्च न्यायालय रजिस्ट्री, जिला न्यायालय शिमला, महाधिवक्ता कार्यालय, भारत के सहायक सॉलिसिटर जनरल, हिमाचल प्रदेश न्यायिक अकादमी व हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया।
आम जनता के लिए शनिवार और रविवार को दोपहर 2 से सायं5 बजे तक खुला रहेगा राजभवन राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज हिमाचल प्रदेश राजभवन को औपचारिक रूप से आम जनता को समर्पित किया। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। हिमाचल प्रदेश राजभवन आम जनता के लिए प्रत्येक शनिवार और रविवार को दोपहर २ बजे से शाम ५ बजे तक खुला रहेगा। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बार्नस कोर्ट, जो अब राजभवन है, १८३२ में निर्मित ब्रिटिश समय का एक विरासत भवन है। इसके निर्माण में भारतीय कुशल कारीगरों का महत्वपूर्ण योगदान है। इस इमारत का विशेष महत्व है क्योंकि यह कई ऐतिहासिक घटनाओं का गवाह रहा है। उन्होंने कहा कि यह भवन महज राजकीय महत्व के कार्यक्रमों के लिए सीमित नहीं होना चाहिए, इसी सोच के साथ अमृत काल में उन्होंने इसे आम जनता के लिए खोला है ताकि वे भी इस ऐतिहासिक भवन का अवलोकन कर सकें और इसके इतिहास के बारे में जानकारी ले सकें।े राज्य के स्कूली छात्रों और दस वर्ष से कम उम्र के सभी बच्चों के लिए राजभवन में प्रवेश निःशुल्क होगा, जिसके लिए उन्हें प्रवेश के समय अपना वैध पहचान-पत्र दिखाना होगा। विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्रों, राज्य और बाहरी राज्यों के आगंतुकों को राजभवन में प्रवेश के लिए ३० रुपये शुल्क अदा करना होगा। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क ६० रुपये होगा। दिव्यांग व्यक्यिों और राष्ट्रीय एवं राज्य पुरस्कार विजेताओं के लिए प्रवेश निःशुल्क होगा। प्रवेश शुल्क के तहत ६ छायाचित्र की सॉफ्ट कॉपी एवं राजभवन ब्रोशर निःशुल्क उपलब्ध करवाये जायेंगे। राजभवन में प्रवेश से पहले आगंतुकों को बार्नस कोर्ट के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व का वर्णन करने वाली एक लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी। एक समय में किसी भी समूह से १५ व्यक्ति राजभवन में प्रवेश कर सकेंगे तथा स्कूली विद्यार्थियों के समूह में ३० विद्यार्थी शामिल होंगे। .०.
इंदिरा गांधी मातृ शिशु संकल्प योजना आरंभ करने की घोषणा स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह आज ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड में पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एंड गाइड की टुकड़ियां शामिल हुईं, जिसका नेतृत्व पुलिस उप-अधीक्षक प्रणव चौहान ने किया। भारी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में आई आपदा के बीच आज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किए गए। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों के लिए जश्न मनाने का यह सही समय नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में प्रदेश पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। कई स्थानों पर बादल फटने और पहाड़ खिसकने की प्रलयंकारी घटनाएं सामने आई हैं। लोगों द्वारा तिनका-तिनका जोड़कर बनाए गए घर इस आपदा के दौरान मलबे में दब गए हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं और रोते बिलखते लोगों को देखकर उनका मन अत्यंत दुखी है। उन्होंने कहा कि पिछले चौबीस घंटे में हमने 50 बहुमूल्य जीवन खोए हैं। हिमाचल प्रदेश में मानसून आने के बाद से 300 से ज्यादा लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। उन्होंने इस अवसर पर सभी मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए यह मुश्किल की घड़ी है लेकिन राज्य सरकार, प्रदेश के लोगों के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि प्रभावितों के घाव पैसे से नहीं भरे जा सकते हैं, लेकिन राज्य सरकार एक-एक पैसा जोड़ कर सभी प्रभावितों का घर बसायेगी। उन्होंने कहा कि पूरी सरकार एकजुटता के साथ हिमाचल प्रदेश को संकट से निकालने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्रासदी को देखते हुए इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम सेरेमोनियल रूप से मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आपदा से भारी तबाही हो रही है तथा यह पिछले 50 साल की सबसे बड़ी आपदा है। जगह-जगह घर और सड़कें टूट रही हैं। किसानों के खेत व फसलें तबाह हो रही हैं और पूरे प्रदेश में आपदा से भारी नुकसान हो रहा है। इस त्रासदी का हिमाचल प्रदेश के सभी लोग बड़ी मजबूती के साथ सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जिला लाहौल-स्पिति के चंद्रताल में फंसे 303 पर्यटकों को सुरक्षित निकाला। अपनी जान की परवाह न करते हुए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने ये मुश्किल मिशन पूरा किया और सभी मेहमानों को सुरक्षित निकाला। उन्होंने कहा कि इस आपदा में राहत कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विश्व बैंक ने भी प्रदेश सरकार की सराहना की है। उन्होंने किसानों और बागवानों को विश्वास दिलाया कि उनके उत्पादों को हर हाल में मण्डियों तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पंचायत स्तर तक सभी सम्पर्क मार्गों को खोलने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समयबद्ध सभी सड़कों को खोला जाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे छोटे से राज्य में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहे हिमाचल को राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए केन्द्र सरकार से आर्थिक मदद की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद व्यक्त की कि जल्द ही केन्द्र सरकार प्रदेश को अंतरिम राहत की पहली किस्त जारी करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष जुलाई माह में आपदा के दौरान गम्भीर संकट की स्थिति को देखते हुए सरकार ने राहत का एक विशेष पैकेज घोषित किया है। इससे पूर्व घर को आंशिक नुकसान होने पर 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी। लेकिन राज्य सरकार ने इस सहायता राशि को दस गुना बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया है। उन्होंने कहा कि दुकानों और ढाबों को नुकसान होने पर, सामान के एवज में, पहले सिर्फ 10 हजार रुपये मिलते थे, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये किया गया है। किरायेदार के सामान को नुकसान होने पर, पहले 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलती थी जिसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये किया गया है। उन्होंने कहा कृषि और बागवानी भूमि में सिल्ट आने पर पहले लगभग 1400 रुपये प्रति बीघा मुआवजा दिया जाता था, जिसे बढ़ाकर 5 हजार रुपये प्रति बीघा किया गया है। उन्होंने कहा कि कृषि और बागवानी योग्य भूमि को नुकसान पर, पहले 3 हजार 600 रूपये प्रति बीघा की आर्थिक सहायता दी जाती थी, जिसे राज्य सरकार ने 10 हजार रुपये प्रति बीघा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आपदा में गाय-भैंस की मृत्यु पर मिलने वाले मुआवजे को 37.50 हजार रुपये से बढ़ाकर 55 हजार रुपये किया गया है। इसके अतिरिक्त भेड़ और बकरी की मौत पर मिलने वाली 4 हजार रुपये की मदद को बढ़ाकर 6 हजार रुपये कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के मन्त्री, विधायक और प्रशासन आम जनता को तुरन्त राहत प्रदान करने के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं और प्रदेश सरकार विशेष पैकेज के तहत प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए 100 करोड़ रूपये खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त राज्य सरकार ने आपदा की तैयारी के लिए एक दीर्घकालीन योजना तैयार की है, जिस पर लगभग 800 करोड़ रुपये खर्च किये जायेगें, ताकि भविष्य में ऐसी आपदाओं के दुष्प्रभाव को कम किया जा सके। प्रदेश मेंकृ कृषि, बागवानी, वन और जल क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करते हुए प्रत्येक जिले में भूस्खलन, हिमस्खलन, बाढ़ और भूकम्प सम्बंधी उच्च स्तरीय वैज्ञानिक डेटाबेस का विकास एवं आपदा प्रबन्धन को मजबूत किया जायेगा, जिससे इन आपदाओं से होने वाले नुकसान को रोका जा सके। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विधवाओं के लिए प्रदेश सरकार ने मुख्यमन्त्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना शुरू की है। इसके तहत इस वर्ष, 7 हजार ऐसी महिलाओं को मकान बनाने के लिए, प्रति महिला डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों के सहयोग से आने वाले चार वर्षों में हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर राज्य बनाया जाएगा और आने वाले दस वर्षों में हिमाचल प्रदेश, देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों को प्रदेश सरकार की ओर से दी जाने वाली सम्मान राशि को 15000 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 25000 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की तथा जिन स्वतंत्रता सेनानियों की मृत्यु हो चुकी है, उनकी पत्नियों को प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही सम्मान राशि को भी 15,000 रुपये प्रतिमाह से बढ़ाकर 20,000 रुपये प्रतिमाह करने की घोषणा की। उन्होंने शत्रु सेना के विरुद्ध सैन्य अभियान के दौरान युद्ध के दौरान शहीद होने अथवा घायल या गुम होने वाले सैनिकों के आश्रितों को प्रदेश सरकार द्वारा अनुग्रह अनुदान राशि में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि युद्ध या युद्ध जैसी परिस्थितियों में शहीद सैनिक के आश्रितों को 20 लाख रुपये के स्थान पर अब 30 लाख रुपये प्रदान किये जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नॉन ऑपरेशनल क्षेत्रों में अथवा ऐसे ऑपरेशनल क्षेत्रों, जहां युद्ध न हो, में शहीद होने वाले सैनिक के आश्रितों को 5 लाख रुपये के स्थान पर अब 7 लाख 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सैन्य अभियान के दौरान 50 प्रतिशत से अधिक अपंगता वाले सैनिकों को 3.75 लाख रुपये तथा 50 प्रतिशत से कम की अपंगता वाले सैनिकों को 1.50 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने विधवा पुनर्विवाह योजना के अन्तर्गत दी जानी वाली सहायता राशि को 65 हजार रुपये को बढ़ाकर 2 लाख रुपये करने की घोषणा भी की। उन्होंने मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी को सामान्य क्षेत्र में 224 से 240 रुपये तथा जनजातीय क्षेत्र में 280 से 294 रुपये करने की घोषणा की। इस घोषणा से मनरेगा में काम करने वाले 9 लाख परिवार लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरक पोषण के रूप में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा 6 माह से 6 वर्ष के बच्चों व कुपोषित बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य सम्बंधी आवश्यकताओं की पूर्ति करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी मातृ शिशु संकल्प योजना को आरम्भ करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस योजना के लिए 50 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य और पोषण कार्यक्रमों में शिशु और माता के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदा में बागवानों को काफी नुकसान पहुँचा है, जिसे उन्होंने स्वयं देखा है। उन्होंने सेब, आम और लीची फलों के लिए मण्डी मध्यस्थता योजना के तहत वर्ष 2023 में बढ़ौतरी की घोषणा की। उन्होंने सेब के समर्थन मूल्य में ऐतिहासिक डेढ़ रूपये की बढ़ौतरी कर इसे 10.50 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये करने की भी घोषणा की। रिज तक पैदल पहुंचे मुख्यमंत्री इससे पूर्व राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास ओक ओवर से पैदल रिज तक पहुँचे। रास्ते में उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के बाद ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पैदल ही रिज से ओक ओवर पहुंचे। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, हिमाचल प्रदेश सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, एडीजीपी अभिषेक त्रिवेदी, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजभवन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी इस मौके पर उपस्थित रहीं। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए उनके सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक दिन है जब देश को विदेशी साम्राज्य की बेड़ियों से आजादी मिली। उन्होंने कहा कि असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और वीर सपूतों के संघर्ष ने हमें आजादी दिलाई है। शुक्ल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर, हम उन सभी देशभक्तों और वीर सपूतों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने आजादी के बाद देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने और देश की सीमाओं की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने प्रदेश की प्रगति एवं सर्वांगीण विकास की कामना करते हुए कहा कि हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि हम और अधिक समर्पण एवं प्रतिबद्धता के साथ देश एवं प्रदेश की प्रगति के लिए अपने कर्तव्य का निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल ने राजभवन कर्मियों को राष्ट्रीय ध्वज भी प्रदान किए। इस मौके पर राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा भी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसके कारण प्रदेश में बहुत नुक्सान हुआ है। बरसात के इस कहर से प्रदेश का कोई भी इलाका अछूता नहीं है। 13 और 14 अगस्त को बहुत भारी बरसात से प्रदेश और जिला कांगड़ा के बहुत से रास्ते बंद है। विकास धीमान प्रदेश प्रवक्ता आम आदमी पार्टी ने कहा कि बहुत से स्कूलों के भवन अच्छी स्थिति में नहीं है और ऐसी परिस्थिति में बच्चों को स्कूलों में भेजना खतरनाक हो सकता है। बहुत से रास्ते गिर चुके है और आवाजाही के लिए सुरक्षित नहीं है। विकास धीमान ने जिला अधीक्षक को ऑनलाइन ज्ञापन भेज कर अनुरोध किया है कि भी शैक्षणिक संस्थानों में 2 दिन का अवकाश दिया जाए।
लोक निर्माण मंत्री ने पांवटा और नाहन में प्रभावित लोगों का जानी समस्याएं लोक निर्माण, युवा सेवायें एव खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज मंगलवार को नाहन में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करने के उपरांत पांवटा साहिब के राजबन, नारीवाला, मालगी, सिरमौरी ताल तथा कच्चीढांग में भारी बरसात तथा बादल फटने के कारण हुये जान-माल के नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध करवाये गये राहत तथा बचाव सम्बन्धी कार्यों की समीक्षा भी की। विक्रमादित्य सिंह ने पावंटा स्थित विश्राम गृह में आपदा से पीड़ित परिवारों से भेंट की और जन समस्यायें भी सुनी। इस अवसर पर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें अपनी समस्यायों से अवगत करवाया। विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों को जन समस्यायें विशेषकर भारी बारिश से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। विक्रमादित्य सिंह ने सिरमौरी ताल में बादल फटने से अकाल मृत्यु का शिकार बने विनोद के परिवार के पांच सदस्यों की अकस्मात मृत्यु पर शोक प्रकट किया। उन्होंने नारीवाला में विनोद व उनके बड़े भाई कमल से भेंट कर इस त्रासदीपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि त्रासदी की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ है। लोक निर्माण मंत्री ने बादल फटने वाले स्थल मालगी का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मालगी की एक मात्र सड़क को शीघ्र ठीक करने का भरोसा स्थानीय लोगों को दिया। उन्होंने सिरमौरी ताल में आपदाग्रस्त परिवारों से भेंट की और घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। राजबन से सिरमौरी ताल के बीच प्रभावित परिवारों ने लोक निर्माण मंत्री से मिलकर उन्हें आपदा से प्रभावित होने की आप बीती सुनाई। गिरि बस्ती के प्रतिनिधिमंडल ने भी लोक निर्माण मंत्री से भेंट कर सड़क की मांग रखी। लोक निर्माण मंत्री ने राजबन सीमेंट फैक्टरी परिसर में सिरमौरी ताल के प्रभावित परिवारों के लिए स्थापित राहत शिविर में जाकर पीड़ितों से भी भेंट की। जिला प्रशासन द्वारा यहां पर सिरमौरी ताल क्षेत्र के 17 प्रभावित परिवारों के करीब लगभग 220 लोगों को आवास और भोजन व्यवस्था उपलब्ध करवाई गई है। प्रभावित परिवारों को क्षेत्र के लोगों द्वारा भी सहयोग और मदद उपलब्ध करवाई जा रही है। पांवटा साहिब के विधायक सुख राम चौधरी, रेणुका के विधायक विनय कुमार, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, पावंटा के पूर्व विधायक किरणेश जंग, निदेशक जोगिन्द्र बैंक असगर अली, निदेशक खाद्य एवं आपूर्ति नसीमा बेगम, एसडीएम पांवटा गुंजीत चीमा, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण अरविंद शर्मा के अलावा लोक निर्माण, जल शक्ति, बिजली व अन्य विभाग के अधिकारी एवम् गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर मौजूद रहे।
उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित 77वां स्वतंत्रता दिवस का उपमंडल स्तरीय समारोह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) भरमौर के प्रांगण में मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता एसडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने की। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा फहराकर आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड में पुलिस, एनसीसी व एनएसएस की टुकड़ियों ने भाग लिया। इस मौके पर एसडीएम ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 15 अगस्त, 1947 को देश गुलामी की बेड़ियों से मुक्त होकर आज़ाद हुआ था। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश के अनेकों वीर सपूतों ने भारत मां को गुलामी की जंजीरों से आजाद करवाने में अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि हमें वीर जवानों द्वारा दी गई कुर्बानियों को हमेशा याद रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृतज्ञ राष्ट्र शहीदों के बलिदान को कभी नही भूलेगा, तों वही विविधता में एकता की भावना हमारे देश की ताकत का आधार रही है। हम स्वतंत्रता, समानता और न्याय के उन मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लें, जिन पर हमारे देश का निर्माण हुआ है। इस अवसर पर उपमंडल भरमौर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारी को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। उन्होंने उनके कार्य की सराहना करते हुए व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में वह ऐसी लग्न और परिश्रम से कार्य करते रहे। इस कार्यक्रम के अवसर पर पंचायत समिति सदस्य विक्रम ठाकुर, सहायक निदेशक पशुपालन अधिकारी डॉ. राकेश भंगालिया, नायब तहसीलदार भरमौर देवेंद्र गर्ग, विषय वस्तु विशेषज्ञ कृषि डॉ. करतार डोगरा, विषय वस्तु विशेषज्ञ उद्यान डॉ. आशीष शर्मा, पुलिस निरीक्षक हरनाम सिंह, प्रधानाचार्य नीलम चाडक, कनिष्ठ अभियंता विद्युत विभाग पंकज कपूर, विभिन्न स्कूलों के बच्चों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने 15 अगस्त को अपने कॉर्पोरेट कार्यालय ऋषिकेश के साथ-साथ अपने विभिन्न परियोजनाओं और यूनिट कार्यालयों में 77वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक आरके विश्नोई ने संगठन के सभी कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस महत्वपूर्ण अवसर पर भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए निगम के कर्मचारी वे प्रसन्नता और अटूट देशभक्ति की गहन भावना से ओत-प्रोत थे। इस प्रतिष्ठित दिन पर जे. बेहरा, निदेशक (वित्त) ने ऋषिकेश में कॉर्पोरेट कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, उसके बाद सभी एकत्रित कर्मचारियों को संबोधित किया। टेहरी एचपीपी में, शल्लिंदर सिंह, निदेशक (कार्मिक) ने समान गर्व और उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि खुर्जा एसटीपीपी में निदेशक (तकनीकी) भूपेंद्र गुप्ता ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने का सम्मान किया। प्रबंधन द्वारा टीएचडीसीआईएल की विभिन्न परियोजनाओं/कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने से न केवल स्वतंत्रता दिवस की भावना बरकरार रही, बल्कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड को परिभाषित करने वाली एकता और समर्पण का भी उदाहरण मिला। जे. बेहरा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर जोर दिया और इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश के विद्युत क्षेत्र के विकास में टीएचडीसी की भूमिका को भी रेखांकित किया। बेहरा ने कहा कि जब भारत को आजादी मिली तो हमारी जीडीपी केवल 2.7 लाख करोड़ रुपये थी, जो आज बढ़कर प्रभावशाली 3.38 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया है और भारत 2030 से पहले 5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के अपने विकास पथ पर है। श। बेहरा ने बताया कि अद्यतन राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) के अनुरूप, भारत सरकार 2070 तक शुद्ध-शून्य कार्बन उत्सर्जन प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके अतिरिक्त, 2030 तक, हमारी संचयी विद्युत स्थापित क्षमता का लगभग 50त्न गैर-से आना चाहिए। जीवाश्म ईंधन आधारित ऊर्जा संसाधन। श। बेहरा ने कहा कि टीएचडीसी इंडिया भी इसी के अनुरूप नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अपने निरंतर प्रयास जारी रखे हुए है। खुर्जा एसटीपीपी परियोजना के कर्मचारियों और उनके परिवारों को संबोधित करते हुए भूपेंद्र गुप्ता, निदेशक (तकनीकी) ने राष्ट्र की प्रगति में सक्रिय रूप से योगदान देने वाले समर्पित टीम के सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और इस बात पर जोर दिया कि अब तक हासिल की गई प्रगति न केवल कर्मचारियों सहित बल्कि प्रत्येक हितधारकों के समर्पण और विशेषज्ञता का प्रमाण है। उनके परिवार भी, जिनका समर्थन अमूल्य है। इस अवसर पर टीएचडीसीआईएल की सभी परियोजनाओं और इकाई कार्यालयों में 'पंच प्राणÓ प्रतिज्ञा भी ली गई।


















































