भारत और सेना के विरोधी कांग्रेस ने सबसे नज़दीकी साथी बनाए हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के मीडिया कोर्डिनेटर एवं भाजपा के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस कार्य समिति सीडब्ल्यूसी में कन्हैया कुमार को शामिल कर अपनी पार्टी का स्तर गिरा दिया है। विश्व चक्षु ने कहा कि भारत देश व सेना पर अभद्र टिप्पणी पर उक्त तथाकथित नेता पर धर्मशाला जिला कोर्ट में भी देशद्रोह का मामला चल रहा है, जोकि विचारधीन है। भाजपा प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी ने कहा कि कांग्रेस अब देश भर में लगातार देश विरोधी कार्य करने में जुटी हुई है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार के किए जा रहे विकास कार्यों को लेकर विपक्ष पूरी तरह से बौखला चुका है। अब विकास व नीतियों के आधार पर केंद्र सरकार व पीएम मोदी के सामने खड़े होने तक की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। ऐसे में लगातार कांग्रेस अपने समेत सभी विपक्ष को समेटकर नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। पूर्व मीडिया कोर्डिनेटर टू सीएम हिमाचल प्रदेश विश्व चक्षु ने कहा कि कन्हैया कुमार ने भारत देश और देश की सीमाओं की हर पल प्रहरी सेनाओं पर अभद्र आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिसका देश भर ने विरोध किया था। उन्होंने कहा कि जिला एवं सत्र न्यायालय धर्मशाला में उक्त तथाकथित नेता पर देशद्रोह का मामला विचाराधीन है। विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस के ऐसे हथकंडे उनको देश भर में ओर अधिक डूबोने का काम करेंगे।
टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक आर. विश्नोई ने बताया कि संगठन को जल संरक्षण और प्रबंधन पर ध्यान देने के साथ कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व पहल में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए प्रतिष्ठित सीएसआर टाइम्स अवार्ड से सम्मानित किया गया है। पुरस्कार समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो. एसपी. सिंह बघेल ने की। डॉ. लास्ज़लो मक्क, मिशन के उप प्रमुख, दूत असाधारण और मंत्री पूर्णाधिकारी, हंगरी दूतावास ने 21 अगस्त को सीएसआर टाइम्स द्वारा विकासशील अर्थशास्त्र में सीएसआर के माध्यम से एसडीजी हासिल करना जी20 राष्ट्रों की भूमिका विषय पर आयोजित 10वें राष्ट्रीय सीएसआर शिखर सम्मेलन में यह पुरस्कार सौंपा। जल संरक्षण और पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में टीएचडीसीआईएल के उल्लेखनीय प्रयास ने न केवल सराहना हासिल की है, बल्कि टिहरी गढ़वाल के ग्रामीण गांवों में जीवन बदल दिया है। इन प्रयासों ने पानी की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित करके ग्रामीणों के वित्तीय और शारीरिक बोझ को काफी कम कर दिया है। विश्नोई ने आगे कहा कि जूरी सदस्यों और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने अपने परिचालन क्षेत्र में पानी की गंभीर कमी के मुद्दों को संबोधित करने के लिए टीएचडीसीआईएल की गंभीर प्रतिबद्धता की सराहना की। यूएनडीपी से जल संकट की गंभीरता के बारे में गंभीर चेतावनियों के जवाब में, टीएचडीसीआईएल ने अपनी सीएसआर-संचालित जल संरक्षण और प्रबंधन परियोजना शुरू की, जिसे अपनी प्रायोजित सोसायटी सेवा-टीएचडीसी के माध्यम से क्रियान्वित किया गया। इस अभूतपूर्व पहल के तहत, टीएचडीसीआईएल ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसमें 972 वर्षा जल संचयन टैंक, 2282 जल पुनर्भरण गड्ढे, 610 जल खाइयां, 70 चेक बांध और 63 चाल-खाल संरचनाओं का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों ने न केवल खराब मौसम के दौरान पानी की कमी को कम किया है, बल्कि टिहरी जिले के प्रतापनगर और भिलंगना ब्लॉकों में भी नई जान फूंक दी है।
सीएम ने फ्लैगशिप योजनाओं और अन्य योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं, बजट घोषणाओं और इस वर्ष 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर की गई घोषणाओं की प्रगति पर सभी प्रशासनिक सचिवों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि सभी प्रशासनिक सचिव राज्य सरकार की सभी फ्लैगशिप योजनाओं और अन्य घोषणाओं को समयबद्ध पूर्ण करने की दिशा में उचित कार्रवाई करें, ताकि प्रदेशवासी इन योजनाओं से शीघ्र लाभान्वित हो सकें। उन्होंने सभी विभागों को लम्बित फाइलों का शीघ्र निपटारा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि लोगों को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन प्रदान करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में आधुनिक तकनीक का समावेश कर सेवाओं को और अधिक सुलभ किया गया है और इससे विभागीय कार्य प्रणाली में भी सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल के निर्माण, लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए यूवी तकनीक का उपयोग, पर्यटन को बढ़ावा देने और अस्पतालों में रोबोटिक सर्जरी आरम्भ करने सहित अन्य परियोजनाओं को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में संबंधित विभाग समयसीमा तय कर कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पहले चरण में आईजीएमसी शिमला और चमियाना तथा टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी सुविधाएं शीघ्र आरम्भ जा रही हैं और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग शीघ्र सभी औपचारिकताएं पूरी करें। उन्होंने कहा कि आदर्श स्वास्थ्य संस्थान योजना के तहत ग्रामीण स्तर के 36 स्वास्थ्य संस्थानों में 6-6 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है तथा शेष स्वास्थ्य संस्थानों में इसी वर्ष दिसम्बर माह तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति कर दी जाएंगी। उन्होंने वन स्वीकृतियों के मामलों के समयबद्ध निपटारे के भी निर्देश दिए ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राजस्व विभाग, पुलिस सहित अन्य सभी विभागों की कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में आगे बढ़ रही है ताकि सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ ही लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए कई कदम उठा रही है ताकि गांवों में रहने वाले लोग आत्मनिर्भर बन सकें। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों पर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता है ताकि पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके। इसके साथ ही आधारभूत अधोसंरचना निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण में भी ड्रेनेज एवं क्रॉस ड्रेनेज को अनिवार्य बनाया जायेगा। मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित बल्क ड्रग पार्क और चिकित्सा उपकरण पार्क के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित किया जा रहा है और इसके तहत 3000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जाएगा। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा भी की और कहा कि वह प्रत्येक सोमवार को सभी प्रशासनिक सचिवों के साथ नियमित आधार पर समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सचिव ओंकार चंद शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा और अन्य प्रशासनिक सचिव भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां हिमाचल पुलिस की चौथी आईआरबी जंगलबेरी की पुलिस आरक्षी बिंदिया को हाल ही में लाहौल स्थित 6,111 मीटर ऊंची युनम चोटी की सफलतापूर्वक चढ़ाई करने पर बधाई दी है। बिंदिया ने अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली से मूलभूत एवं उच्च प्रशिक्षण प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने बिंदिया को आगामी अभियानों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युनम चोटी पर विजय प्राप्त करने वाली वह राज्य पुलिस की पहली महिला हैं और यह पुलिस विभाग एवं समस्त प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है। बिंदिया हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के कांगू गांव की रहने वाली हैं।
कहा- 72 घंटें के भीतर चालकों के ठहरने को करें बेहतर इंतजाम बस स्टैंड का किया निरीक्षण, ग्वाल टिल्ला में नुक्सान का लिया जायजा उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पालमपुर बस स्टैंड के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें। उन्होंने कहा कि पालमपुर बस स्टैंड के नाम करीब 64 कनाल जमीन है इसे बेहतर तरीके से विकसित करने के लिए अधिकारियों को प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं तथा प्लान को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की मीटिंग में भेजने के निर्देश भी दिए हैं। सोमवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पालमपुर बस स्टैंड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान चालकों तथा परिचालाकों को ठहरने के लिए 72 घंटें के भीतर बेहतर सुविधाएं प्रदान करने निर्देश अधिकारियों को दिए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को हरित राज्य बनाने के लिए हमारी सरकार प्रयासरत है और प्राइवेट आपरेटर्स द्वारा इलेक्ट्रिक बस, इलेक्ट्रिक टैक्सी व इलेक्ट्रिक ऑटो खरीद पर पचास फीसद की दर पर 50 लाख तक अनुदान देने का फैसला लिया है और राज्य में छह इलेक्ट्रिक कोरिडोर घोषित किए हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में 15 इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं और 126 स्थानों पर 5 चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वाहनों के टैक्स जमा करवाने के लिए पैनल्टी एवं ब्याज माफ करने के लिए 31 दिसंबर तक का समय दिया गया है। राज्य के युवाओं को रोजगार के नजरिये से 500 परमिट जारी करने का फैसला हुआ है और ई-वाहन खरीदने वाले युवाओं को प्रदेश सरकार 4 साल तक गाड़ी हायर करने की योजना पर काम कर रही है। इसके पश्चात उप मुख्यमंत्री ने जयसिंहपुर विस क्षेत्र के ग्वालटिल्ला तथा आलमपुर में आपदा से हुए नुक्सान का जायजा भी लिया।
कहा-बारिश से क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत को उठाएं कारगर कदम पालमपुर में जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जल मिशन का अधूरे कार्य को 31 मार्च 2024 तक पूरा करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला के लिए जल मिशन के तहत 1027 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। रविवार सांय पालमपुर में जल शक्ति विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आम जनमानस को पेयजल तथा सिंचाई की बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए तत्परता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत के लिए भी उचित कदम उठाए जाएं इस के लिए सरकार की ओर से आवश्यक फंड उपलब्ध करवाए जाएंगे ताकि पेयजल आपूर्ति सुचारू हो सके। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भारी बारिश के कारण ब्यास नदी तथा बनेर खड्ड में स्थित पेयजल योजनाओं के क्षतिग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है इस के लिए पेयजल योजनाओं की सुरक्षा के लिए उपयुक्त प्लान भी तैयार किया जाए ताकि भविष्य में बारिश के दौरान पेयजल स्कीमें प्रभावित नहीं हो। एशियन विकास बैंक द्वारा 120 करोड़ पेयजल योजनाओं के लिए प्रस्तावित हैं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिला में शिवा के तहत स्वीकृत परियोजनाओं की समीक्षा भी की तथा शिवा परियोजना के सुचारू कार्यान्वयन के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कांगड़ा जिला के शहरी निकायों के लिए स्वीकृत सिवरेज प्रोजेक्ट्स के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि पालमपुर नगर निगम के लिए सिवरेज की बेहतर सुविधा के लिए 135 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं तथा सिवरेज कार्य को तत्परता के साथ पूर्ण किया जाए। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पालमपुर में जलशक्ति विभाग के विश्राम गृह के लिए जमीन चयनित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं ताकि विश्राम गृह के निर्माण की प्रक्रिया आरंभ की जा सके। इससे पहले मुख्य अभियंता सुरेश महाजन ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए जल शक्ति विभाग की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि भारी बारिश से क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की मरम्मत युद्व स्तर पर की जा रही है तथा लोगों को पेयजल आपूर्ति सुचारू तौर पर की जा रही है। इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।
कसौली तहसील के नायब तहसीलदार अशोक कुमार ने आज पंचायत कोट बेजा के बनोई गांव में भारी बारिश से लोगों के घरों को हुये नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर प्रशासन की ओर से पांच हजार रुपये प्रति परिवार प्रदान किये व कुछ परिवारों को तरपाल भी प्रदान किये गए। पंचायत के बनोई गांव में दस लोगों व ठंदू गांव के तीन लोगों को फौरी राहत दी गई। गौरतलब है कि बीते गुरुवार को हुई भारी बारिश के चलते बनोई गांव के लोगो के घरों के दरारे आ गई थीं। लोगों ने अपने घर खाली कर सामान शिफ्ट कर आसपास शरण ले ली थी। बारिश के कारण पूरे गांव को खतरा बना हुआ है। बनोई गांव के ऊपर से जा रही गुनाई बरोटीवाला सड़क पर भी दरारे आ गई है। लोगों ने अपने गांव को छोड़कर आस पड़ोस में पनाह ले ली हैं। रविवार को देर शाम कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने गांव में पहुंच कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की है व लोगों को आश्वस्त किया कि आपदा के इस समय मे सरकार लोगों के साथ खड़ी है। सरकार प्रभावित परिवारों की हर संभव मदत करेगी। उधर, इस विषय में ग्रामीण राजस्व अधीकारी नीरज कुमार ने बताया कि सोमवार को नायब तहसीलदार कसौली अशोक कुमार ने बनोई गांव में दस और ठंदू गांव के तीन प्रभावित परिवारों को फौरी तौर पर पांच हजार प्रति परिवार राहत राशि प्रदान की है तथा कुछ लोगों को तरपाल भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को जल्दी कागजी कार्रवाई पूरी करने को कहा गया है, ताकि उनके केस टाइम पर बनाए जा सकें।
कोटशेरा कॉलेज में आज एनएसयूआई ने एक बैठक का आयोजन किया, जिसमें महाविद्यालय में आ रही छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। साथ ही प्रथम वर्ष एवं विभिन्न इच्छुक छात्रों को एनएसयूआई में शामिल कर एनएसयूआई के बारे में अवगत कराया एवं आगामी रणनीति के बारे में चर्चा की। बैठक में कुछ विशेष मुद्दों को लेकर चर्चा हुई, जिसमें दूर दराज क्षेत्रों से आए छात्रों को आ रही समस्याओं के चलते महाविद्यालय में छात्रावास के मुद्दे को उठाया जो प्रमुख तौर पर रहा। इस अवसर पर एनएसयूआई के इंचार्ज नितिन देशटा का कहना है विभिन्न छात्र संगठन महाविद्यालय में अशांति का माहोल उत्पन्न कर रहे है, जिससे नए छात्रों के मन में भय का महौल उत्पन्न हुआ है। इन सभी मुद्दों पर प्रधानचार्य जल्द से जल्द संज्ञान लें। इस अवसर पर जिला शिमला के उपाध्यक्ष (इंचार्ज) नितिन देश्टा, जिला महासचिव चंदन महाजन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डिप्टी सीएम ने कहा- राहत, पुनर्वास और विकास रहेगी विशेष प्राथमिकता आइमा में जलाशय के जीर्णोद्वार कार्य का किया शिलान्यास उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार राहत, पुनर्वास तथा विकास पर विशेष प्राथमिकता देगी, ताकि आम जनमानस को किसी भी तरह की असुविधा नहीं हो। सोमवार को पालमपुर के आइमा में अमृत परियोजना के तहत एक करोड़ 15 लाख से जलाशय के जीर्णोद्वार कार्य का शिलान्यास करने के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भारी बारिश के चलते आठ हजार करोड़ का नुक्सान एवं 300 से अधिक लोग इस मानसून का शिकार होकर जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युद्व स्तर पर राहत एवं पुनर्वास कार्यक्रम चला रही है और अपने स्रोतों से जो भी राज्यवासियों की सुरक्षा के लिए किया जा सकता है, वो किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा की इस घड़ी में प्रभावितों के पुनर्वास पर विशेष फोक्स किया जा रहा है, प्रभावित लोगों को त्वरित प्रभाव के साथ फौरी राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जल शक्ति विभाग की सभी स्कीमों का अपडेट डाटा बेस होगा तैयार उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य में जल शक्ति महकमे की सभी योजनाओं का अपडेट डाटा बेस तैयार किया जाएगा जिसमें निर्माणाधीन योजनाओं को भी शमिल किया जाएग, ताकि परियोजनाओं की सुचारू मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके और जल शक्ति महकमें को सुदृढ़ बनाया जा सके। इसके साथ ही जल शक्ति विभाग के सभी भवनों के बारे में भी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। इसमें जल शक्ति के ऐसे भवनों की रिपोर्ट भी तैयार करने के लिए कहा गया है जो अभी उपयोग में नहीं लाए जा रहे हैं। राज्य की पहाड़ियों के दरकने को लेकर भी वैज्ञानिक रिपोर्ट होगी तैयार उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान राज्य की पहाड़ियों के दरकने और भूस्खलन के कारण कई मकान ढह रहे हैं इसके साथ ही सड़कों पर भी मलबा एकत्रित हो जाता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ों के दरकने को लेकर वैज्ञानिक रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी, ताकि भविष्य में भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील जगहों पर मकान इत्यादि नहीं बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा सके। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल, पूर्व विस अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल, विधायक यादवेंद्र गोमा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चंद, मेयर पूनम बाली, डिप्टी मेयर अनीश नाग सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
झीलों की नगरी तथा मेवाड़ की पवित्र एवं ऐतिहासिक स्थली उदयपुर, राजस्थान में आयोजित 9वें राष्ट्र मंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र सम्मेलन को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि डिजिटल सशक्तिकरण के माध्यम से सुशासन को प्रोत्साहित करने में जन प्रतिनिधियों की प्रभावशालिता तथा दक्षता बढ़ाने के लिए हमें तीन प्रमुख क्षेत्रों क्रमश: शिक्षा व प्रशिक्षण, नागरिक जुड़ाव और नीति कार्यान्वयन पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। गौरतलब है कि पठानिया डिजिटल सशक्तिकरण के माध्यम से सुशासन को प्रोत्साहित करने में जन प्रतिनिधियों को और अधिक प्रभावी/कुशल कैसे बनाया जाए विषय पर उदयपुर में अपना संबोधन दे रहे थे। सम्मेलन को राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राष्ट्र मंडल संघ के अध्यक्ष ईयान लिडल ग्रेगंर तथा लोक सभा के माननीय अध्यक्ष ओम बिरला ने भी संबोधित किया। पठानिया ने कहा कि प्रचार, प्रसार, संचार तथा तकनीक के नए युग में डिजिटल साक्षरता अभियान, उन्नत संचार, घटक सहभागिता, पारदर्शिता और जवाबदेही डेटा संचालित निर्णय, दूरस्थ पहुंच, ई -गवर्नेंस पहल, डिजिटल निगरानी एवं मुल्यांकन, साईबर सुरक्षा और गोपनीय जागरूकता तथा सहयोग और नेटवर्किंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाओं को लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपनाना होगा तभी हम सही में अपनी जनता को सुशासन भी दे सकेंगे और विशुद्व रूप से जनमत के हकदार भी होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने गत दिवस हिमाचल के बाढ़ और बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का एक दिवसीय दौरा किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने स्वयं अपनी आंखों से उस भयानक दृश्य को देखा। उन्होंने कहा की हम अनेकों स्थानों पर उनके साथ गए। पांवटा साहिब, शिमला और बिलासपुर सभी जगह नड्डा जी के साथ जाना हुआ। उन्होंने कहा कि हमें आज धन्यवाद करना है की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह से वार्ता करके हिमाचल प्रदेश को 200 करोड़ रुपये की राशि जारी करवाई है। आपदा की इस घड़ी में यह राशि हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। इतना ही नहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शिमला में यह तक कहा कि हिमाचल प्रदेश में राहत कार्योंं के लिए किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देंगे। जगत प्रकाश नड्डा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ बैठक कर उनको पूर्ण आश्वासन दिया कि जिस प्रकार की भी मांग वह केंद्र के समक्ष रखेंगे और प्रदेश की आवश्यकता के अनुसार हम हर प्रकार की सहायता करेंगे। डॉ. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्र मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्र मंत्री अनुराग ठाकुर का हिमाचल प्रदेश को 200 करोड़ रुपये की राशि प्रदान करने के लिए धन्यवाद किया।
सरकार ने पाया है कि राज्य के 23 बांधों में से 21 ने सुरक्षा मानदंडों का उल्लंघन किया है। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने बताया कि कम से कम 21 बांधों ने सुरक्षा मानदंडों का पालन नहीं किया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बांधों से हुए नुकसान पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ञ्जह्म्द्गठ्ठस्रद्बठ्ठद्द ङ्कद्बस्रद्गशह्य हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड द्वारा संचालित मंडी और सिरमौर के जटोन में, लारजी जलविद्युत परियोजना, शिमला में एचपी पावर कॉर्पोरेशन द्वारा संचालित सावड़ा कुड्डू परियोजना और कुल्लू में सैंज उल्लंघनकर्ताओं में से हैं। प्रदेश में 9,203 मेगावाट की 23 परियोजनाएं हैं। ये नेशनल हाइड्रो पावर कॉरपोरेशन (एनएचपीसी), नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरेशन (एनटीपीसी), भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी), सतलुज जल विद्युत निगम, एसजेवीएनएल आदि की ओर से संचालित हैं। 1,916 मेगावाट क्षमता की छह और परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। केवल बिलासपुर में कोल बांध और किन्नौर में कड़च्छम वांगतू परियोजना ने पानी छोड़ने के दिशा-निर्देशों का पालन किया है। सक्सेना ने कहा कि 2014 में बिना पूर्व चेतावनी के लारजी बांध से पानी छोड़े जाने के कारण आंध्र प्रदेश के 24 छात्रों के बह जाने के बाद प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया गया था। पंजाब और हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों में बाढ़ का कारण पोंग, पंडोह और मलाणा बांधों से पानी छोड़ा जाना है।
जवाहर नवोदय चयन परीक्षा-2024 के लिए प्रवेश हेतु ऑनलाइन फार्म भरने की तिथि को 17 अगस्त से बढ़ाकर 25 अगस्त कर दिया गया है। जो अभ्यर्थी कक्षा 6 के लिए परीक्षा हेतु आवेदन करने के इच्छुक हैं वह 25 अगस्त तक अपना आवेदन फार्म भर सकते हैं। प्रधानाचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन द्वारा यह जानकारी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की की वैबसाईट पर जाकर अपने ऑनलाईन आवेदन भर सकते हैं। आवेदन फार्म जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन तथा शिक्षा विभाग के खंड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों में उपलब्ध हैं। परीक्षा का आयोजन 4 नवंबर को किया जाएगा।
प्रदेश के चंबा जिले के सलूणी के थाडल (बरोटी) में ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि एक घायल है। मृतक की पहचान विशाल कुमार निवासी फगडोटू के तौर पर हुई है। डीएसपी रमाकांत ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। हादसे के कारणों की छानबीन की जा रही है।
शिमला नागरिक सभा वार्ड कमेटी द्वारा कृष्णा नगर में पानी व सीवरेज की समस्या को लेकर आज सतलुज जल प्रबंधन निगम लिमिटेड में महाप्रबंधक राजेश कश्यप को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिमला नागरिक सभा ने वार्ड में पिछले दिनों आए भूस्खलन के चलते पीने की पानी की पाइपों के टूटे होने व सीवरेज की समस्या को प्रशासन के समक्ष रखा। शिमला नागरिक सभा वार्ड कमेटी कृष्णा नगर के सह संयोजक अमित कुमार ने बताया कि कृष्णा नगर में राजीव आवास योजना के तहत बने भवनों में पिछले 13 दिन से लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है लगातार प्रशासन के समक्ष गुहार लगाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई इसके चलते आज जल प्रबंधन से विभिन्न मांगों को लेकर कृष्णा नगर के लोगों ने मुलाकात कर वहां की समस्याओं को रखा। एसजेपीएनएल के महाप्रबंधक राजेश कश्यप ने लोगों की विभिन्न समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा जल्द से जल्द लोगों की समस्याओं को निपटाने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान शिमला नागरिक सभा के संयोजक संजय चौहान, सह संयोजक विजेंद्र मेहरा, जगत राम विनोद, सलमा, फालमा चौहान, लीना, प्रीति, बावे, जसवंत, ज्योति आदि लोग मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश के विकास में पूर्व की भाजपा सरकार ने बेहतरीन कार्य किया है और अब लोकसभा के चुनाव भी जल्द होने वाले हैं। ऐसे में मुझे सही समय पर एमपी का टिकट दिया जाना चाहिए और अब ठगना भी बंद किया जाना चाहिए, ताकि सही समय पर आमजन के बीच जाकर लोकसभा की जीत को सुनिश्चित किया जा सके। ढालपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने कहा कि हाल ही में उन्होंने दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ मुलाकात की है और लोकसभा का चुनाव लडऩे की भी इच्छा व्यक्त की है। क्योंकि वह पहले भी यहां से संसद का चुनाव जीत चुके हैं और कई बार पार्टी हित में भी राज्य स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। ऐसे में अबकी बार भाजपा संगठन को चाहिए कि वह उन्हें ठगे न और समय पर एमपी का टिकट दे। पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने कहा कि टिकट देना केंद्रीय नेतृत्व के हाथ में है लेकिन इच्छा व्यक्त करना हर कार्यकर्ता का अधिकार है। पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने हाल ही में दिल्ली में उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों के साथ भी मुलाकात की है और प्रदेश में आपदा के बारे में भी उन्हें जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय से भी उन्होंने मांग रखी है कि बाहंग से लेकर ओट तक ब्यास नदी के तटीय कारण को लेकर जल्द से जल्द प्रयास किए जाने चाहिए, क्योंकि अबकी बार सबसे ज्यादा नुकसान ब्यास नदी में आई बाढ़ के कारण हुआ है। अब इस दिशा में अगर सरकार जल्द से प्रयास करें तो आने वाले समय में नुकसान को रोका जा सकता है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ मिलकर भी फोरलेन के गलत निर्माण को लेकर उन्होंने पूरी जानकारी दी है। क्योंकि एन एच ए आई के द्वारा गलत जगह पर मलबे की डंपिंग की गई और डंपिंग के कारण भी करोड़ों रुपए की संपत्ति नष्ट हुई है।
जिला किन्नौर के पशु पालन विभाग के सहयोग से त्रिपीक ब्रिगेड की पशु चिकित्सा टीम ने 17 अगस्त से 19 अगस्त तक जिला के सांगला, बटसेरी, लिप्पा, आसरंग तथा रिब्बा गांव में लम्पी चमड़ी रोग के उपचार हेतु चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया। इन शिविरों में 58 पशुओं का उपचार किया गया। इस दौरान पशु पालकों को लम्पी चमड़ी रोग के लक्षणों, प्रसारण एवं रोकथाम बारे जानकारी प्रदान की गई तथा कृमि नाशक, खनिज मिश्रण तथा दूध बढ़ाने हेतु दवाइयाँ भी वितरित की गई। इस समर्पितता और सेवा भावना के प्रतीक के रूप में भारतीय सेना ने अपने सामाजिक उद्देश्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दिखाया है तथा जिला किन्नौर के दुर्गम क्षेत्रों में पशुपालकों की भलाई के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विधायक आरएस बाली बतौर मुख्यातिथि करेंगे शिरकत शहीद मेजर दुर्गामल और कैप्टन दल बहादुर थापा स्मृति मंच दाड़ी द्वारा 25 अगस्त को शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाएगा। यह जानकारी देते हुए स्मृति मंच के प्रवक्ता विजय महाजन ने बताया कि इस दिन शहीद स्मारक दाड़ी में प्रात: 11 बजे एक सादे समारोह में शहीद मेजर दुर्गामल और कैप्टन दल बहादुर थापा को श्रद्धासुमन अर्पित किये जायेंगे। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता संग्राम में आजाद हिंद फौज के प्रखर योद्धा रहे शहीद मेजर दुर्गामल को 25 अगस्त, 1944 और कैप्टन दल बहादुर को 3 मई, 1945 को अंग्रेज सरकार ने लाल किला दिल्ली में फांसी दी थी।
सेब सीजन के दौरान बागवानों की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रदेश में अभी भी करीब 400 सड़कें बंद हैं, जिसके चलते बागवानों को पीठ पर सेब की ढुलाई करवानी पड़ रही है। एक किलोमीटर का 100-100 रुपये प्रति पेटी तक किराया दिया रहा है। शिमला, मंडी और कुल्लू में बागवानों के लिए तैयार फसल मंडियों तक पहुंचना चुनौती बन गया है। बागवानों को सेब तुड़ान के बाद ढुलाई के लिए मजदूरों को दोगुने पैसे देने पड़ रहे हैं।
मंडी जिले में कोल डैम का जलस्तर बढ़ने के कारण जलाशय में फंसे सभी लोगों को करीब 9 घंटे के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया है। मंडी के उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने कहा कि पांच वन विभाग के कर्मचारी और पांच स्थानीय लोगों सहित दस लोग एक नाव में फंस गए थे। इन्हें बचाने के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सुरक्षित निकाले गए लोगों में पांच वन विभाग के कर्मचारी हैं, जिनका नाम बहादुर सिंह, भूपेश ठाकुर, रूप सिंह, बाबू राम और अंगद कुमार है, जबकि अन्य पांच स्थानीय लोग हैं जिनकी पहचान नैन सिंह, डागू राम, हेम राज, बुद्धि सिंह और धर्मेंद्र के रूप में की गई है।
कहा, जेपी नड्डा व अनुराग के दौर में फिर मिला गृह मंत्रालय से 200 करोड़ की राहत हिमाचल प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की राज्य अध्यक्ष वंदना योगी ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल में आई त्रासदी में दिल खोलकर मदद कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल की त्रासदी पर नजर बनाए हुए हैं ,पूरी फीडबैक ले रहे हैं और हिमाचल को हर मदद देने के लिए केंद्र आगे आ रहा है ।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व इस समय पूरी तरह से राहत कार्यों को आगे बढाने व बारिश से प्रभावित लोगों को मदद दिलाने के लिए कम कर रहा है । वंदना जोगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दूसरी बार हिमाचल के दौरे पर आए हैं ।उन्होंने नुकसान का जायजा लिया, प्रदेश सरकार के साथ बात की ।उन्होंने कहा कि यह अपने आप में दिखता है कि देश का नेतृत्व हिमाचल की त्रासदी को लेकर किस प्रकार से गंभीर है ।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर दौरे पर आए ।हिमाचल बीजेपी का पूरा संगठन उनके साथ त्रासदी को देखने के लिए मौजूद रहा। उन्होंने कहा कि इस दौरे के दौरान हिमाचल के लिए शुभ समाचार भी आया राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने बताया कि गृह मंत्रालय ने एनडीआरएफ फंड के तहत २०० करोड रुपए की और मदद हिमाचल प्रदेश को कर दी है। उन्होंने कहा कि यह अपने आप में हिमाचल में राहत कार्यों को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर मदद हिमाचल की करेगी यह आश्वासन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल भाजपा के राज्य अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ,पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर,संगठन मंत्री सिद्धार्थन ने भी फीडबैक बारिश से त्रासदी की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को दिया है ।उन्होंने कहा कि हम सब इस समय त्रासदी में जनता के साथ हैं और हिमाचल को सामान्य करने में मददगार बनेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हालांकि इस समय भी राजनीति करने का प्रयास कर रही है, प्रदेश के सांसदों पर सवाल खड़ा कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ किया है कि इस समय राजनीति नहीं सिर्फ मददगार बनने की जरूरत है, हम सब हिमाचल के लिए काम करें।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कांगड़ा जिला के अपने प्रवास के दूसरे दिन नूरपुर तथा ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में बरसात व भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया। कृषि व पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार तथा पूर्व विधायक अजय महाजन भी उनके साथ रहे। उप मुख्यमंत्री ने नूरपुर के लदोड़ी, मिंझग्रां तथा ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के रजोल, बाड़ा में भूस्खलन के कारण जमींदोज तथा क्षतिग्रस्त हो चुके मकानों का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पेयजल योजनाओं को सुचारू बनाने के लिए जलशक्ति विभाग को 61 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है। जिसमें से 15 करोड़ कांगड़ा ज़िला के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं को सुचारू बनाने के लिए आवंंटित किए गए हैं। इस अवसर पर एसडीएम नूरपुर गुरसिमर सिंह, एसडीएम ज्वाली महेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस जिला नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मदन कांत, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा, जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियंता सुरेश महाजन, अधीक्षण अभियंता विकास बक्शी, लोक निर्माण के अधीक्षण अभियंता महिंद्र धीमान व अन्य उपस्थित रहे। 9 प्रभावित परिवारों को वितरित की एक-एक लाख की राशि उप मुख्यमंत्री ने नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की पुंदर पंचायत के भेड खड्ड गांव के 5 परिवारों, जबकि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की रजोल पंचायत के अनूही गांव के तीन तथा नियांगल पंचायत के एक परिवार को एक-एक लाख रुपए की नगद राहत राशि वितरित की। मुकेश अग्निहोत्री ने लदोड़ी में प्रशासन द्वारा बनाए गए राहत शिविर में रह रहे लोगों से मुलाकात की। उन्होंने प्रशासन को इन परिवारों के खानपान और रहन सहन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
कहा- हिमाचल को एसडीआरएफ के तहत 200 करोड़ की एक और किस्त जारी भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण हिमाचल प्रदेश में हुए भारी नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने समरहिल, शिमला में भारी बारिश के कारण हुए ध्वस्त प्राचीन शिव मंदिर स्थल का अवलोकन भी किया और शिमला एवं बिलासपुर में स्थानीय प्रशासन के साथ राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों पर चर्चा भी की। उनके साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी थे। जेपी नड्डा ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'मैंने आज सिरमौरी ताल एवं कच्ची ढांग में बादल फटने से उत्पन्न हुई स्थिति का जायजा लिया, शिमला में शिवबावड़ी और कृष्णा नगर में बाढ़ और भारी बारिश क्षेत्रों का दौरा भी किया। आपदा के कारण यहां काफी गमगीन माहौल है। यहां की स्थिति देख कर मेरा हृदय व्यथित और विह्वल है।Ó नड्डा ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया है कि किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद चाहिए तो केंद्र हिमाचल प्रदेश के लिए कोई कमी नहीं रखेगा। केंद्र सरकार हर पहलू पर हिमाचल प्रदेश की मदद करेगी और अगर किसी भी प्रकार की कोई परेशानी आती है तो वे स्वयं मुझे भी बात कर सकते हैं। केंद्र सरकार सड़क, पुनर्वास, भवन पुनर्निर्माण और आम जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करेगी। नड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रिलीफ मैनुअल के फंड के बारे में भी हम से चर्चा की है और इस फंड में भी हम किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देंगे। हम बार-बार एक ही चीज कह रहे हैं कि आप हमें समस्या बताएं काम हम करेंगे, आप मदद मांगों केंद्र देगा, आप पैसा मांगो केंद्र देगा। नड्डा ने कहा कि हमने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया है कि किसी भी प्रकार की आर्थिक मदद चाहिए तो केंद्र हिमाचल प्रदेश के लिए कोई कमी नहीं रखेगा। कहा- हमारे सभी सांसद हिमाचल प्रदेश की आपदा के लिए देंगे सांसद निधि का सारा पैसा नड्डा ने कहा कि हमारे सभी सांसद अपना सारा सांसद निधि का पैसा हिमाचल प्रदेश की आपदा के लिए देंगे। नड्डा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राजनीति नहीं होनी चाहिए। आज का विषय मानवता का है, राजनीति का नहीं। हमारा सारा नेतृत्व पूरी ताकत के साथ जनता की सेवा में लगा हुआ है। लोग बोले- होनी चाहिए जांच जेपी नड्डा ने समरहिल और कृष्णानगर वार्ड का दौरा किया। शिव बावड़ी क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा लेने के बाद नड्डा ने आपदा प्रभावितों से बात की। स्थानीय निवासी संजीव भूषण और रूपन ने इस त्रासदी की जांच की मांग उठा दी। कहा कि इलाके में बादल फटा या फिर केंद्रीय संस्थान के रेन हार्वेस्टिंग टैंक से यह नुकसान हुआ, इसकी जांच होनी चाहिए। लोगों ने मंदिर के पुनर्निर्माण, प्रभावित परिवारों को मदद देने और पहाड़ों को भूस्खलन से बचाने के लिए मदद की मांग की।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज नालागढ़ में प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरदीप बावा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हुसन चंद ठाकुर, नालागढ़ यूथ कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गुरदीप चौधरी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की व नालागढ़ सिविल हॉस्पिटल में फल व जूस वितरित किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की राहत नियमावली में बदलाव लाने की आवश्यकता पर दिया बल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रदेश में आपदा से हुए भारी नुकसान के संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा से प्रदेश में हुए भारी नुकसान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने राज्य में स्थितियां सामान्य करने के प्रदेश सरकार के प्रयासों को बल देने के लिए केदारनाथ और भुज त्रासदियों की तर्ज पर वित्तीय सहायता प्रदान करने की अपील की। आपदा के कारण हुए भारी नुकसान को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को व्यापक नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की वर्तमान राहत नियमावली के अनुरूप वित्तीय प्रावधान हिमाचल प्रदेश में हुए नुकसान की पूर्ति के लिए अपर्याप्त है। उन्होंने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा की गंभीरता को देखते हुए विशेष राहत पैकेज का आग्रह किया। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र सरकार द्वारा अंतरिम राहत की पहली किस्त देरी से जारी करने का मामला भी उठाया। उन्होंने जगत प्रकाश नड्डा और अनुराग सिंह ठाकुर से वित्तीय सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान भारी बारिश और भूस्खलन के कारण आई प्राकृतिक आपदा से प्रदेश को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आकलन टीमें भेजे जाने के बावजूद अंतरिम राहत अभी भी लंबित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रभावितों को सहायता प्रदान करने के लिए अपने सीमित संसाधनों का उपयोग कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि (एसडीआरएफ) के तहत वार्षिक दो किश्तों में दिए जाने वाले 360 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ऑडिट आपत्तियों को दूर करने के राज्य सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप केंद्र सरकार ने लम्बित 315 करोड़ रुपये में से 189 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। उन्होंने शेष 126 करोड़ रुपये शीघ्र प्रदान करने की आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 अगस्त, 2023 तक प्रदेश सरकार ने केन्द्र सरकार को राज्य में हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट भेजकर 6,700 करोड़ रुपये क्लेम किए हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संरचनात्मक इंजीनियरिंग और जल निकासी प्रणालियों के सुधार और सुदृढ़ीकरण के राज्य सरकार के प्रयासों की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शिमला के पास जाठिया देवी में एक नए शहर को स्थापित करने की योजना के बारे में भी बताया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्राकृतिक आपदा के कारण प्रदेश को हुए नुकसान की भरपाई के दृष्टिगत राज्य को पर्याप्त सहायता देने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने आश्वासन दिया कि अंतरिम राहत की पहली किस्त शीघ्र जारी करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संकट के इस समय में राज्य को पूर्ण सहयोग प्रदान करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त धनराशि सुनिश्चित करने के लिए संकल्पबद्ध है। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप और सिकंदर कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक बलबीर वर्मा, पूर्व विधायक राम लाल मारकंडा, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया अन्य गणमान्य व्यक्ति और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों आयुर्वेद, पंचकर्म और प्राकृतिक चिकित्सा के लाभ और महत्व के बारे में आज हर कोई जानता है। इन्हीं पद्धतियों पर आधारित दिव्य योग रिसर्च फाउंडेशन ने शिमला के उपनगर न्यू टूटू में एक अस्पताल शुरू करने की योजना बनाई है। आयुष हॉस्पिटल के नाम से शुरू किए जाने वाले इस अस्पताल में लोग प्रतिदिन इन चिकित्सा पद्धतियों का लाभ उठा सकेंगे। इस अस्पताल में आयुर्वेद, पंचकर्म, प्राकृतिक चिकित्सा और योग के प्रदर्शन के साथ मरीजों को निशुल्क परामर्श भी दिया जाएगा। चिकित्सकों के मार्गदर्शन में योग व पंचकर्म के विशेषज्ञों की टीम भी विशेष अवसरों पर अपनी सेवाएं देंगे। दिव्य योग रिसर्च फाउंडेशन के अध्यक्ष विजय कुमार सूद ने बताया कि इस हस्पताल में यौगिक स्वास्थ्य देखभाल और फिटनेस पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शरीर पंच तत्व- मिट्टी, जल, वायु, अग्नि और आकाश से मिलकर बना है। इन तत्वों के असंतुलन से रोग उत्पन्न होते हैं। इसे संतुलित बनाने की पद्धति ही प्राकृतिक चिकित्सा है। यह दवा रहित इलाज की पद्धति है, जिसमें योग और आहार विशेष महत्व रखते हैं। संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केके शर्मा ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा में आहार को भी औषधि माना गया है। मरीज को रोग के अनुसार भोजन में क्या लेना चाहिए, कौन से योगासन करने चाहिए और प्राकृतिक चिकित्सा की किस पद्धति से ईलाज किया जाना उचित होता है। वात-पित्त-कफ के असंतुलन के अनुसार बीमारी का कारण जानकर ही चिकित्सा इस अस्पताल में की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पद्धति में वमन, विरेचन, वस्ति चिकित्सा, नस्य कर्म और रक्त मोक्षण के माध्यम से ईलाज किया जाता है। दिव्य फाउंडेश्न के सचिव विवेक ने बताया कि यह अस्पताल अगस्त से कार्य करना शुरू कर देगा और तत्काल प्रभाव से लोगों को विभिन्न सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएगी। इस अस्पताल में योग और प्राकृतिक चिकित्सा के साथ फिजियोथैरेपी और योगाथैरेपी की सुविधा भी प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रथम परामर्श सभी के लिए निशुल्क रहेगा और कोई भी अस्पताल में आकर अपने रोग के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेगा। इसके लिए उन्होंने कहा कि फाउंडेशन ने अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन 76510-76589 दी है। इस पर कभी भी कॉल कर परामर्श लिया जा सकता है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को लद्दाख के कियारी के पास हुई एक सड़क दुर्घटना में शहीद हुए शिमला ग्रामीण उपमंडल के गांव नेहरा के सैनिक विजय कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने भारतीय सेना के आठ अन्य जवानों के निधन पर भी शोक व्यक्त किया है जिन्होंने इस दु:खद घटना में अपने प्राणों का बलिदान दिया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों को हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर आज प्रदेश कार्यालय राजीव भवन शिमला में युवा कांग्रेस द्वारा फोटो सेमिनार का आयोजन किया गया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस कार्यक्रम में युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष जयवर्धन खुराना प्रदेश महासचिव छेरींग नेगी, विजय ठाकुर, शिवम राणा, प्रदेश सचिव तरूण ब्राक्टा, हेमराज ठाकुर, शिमला शहर अध्यक्ष संदीप चौहान, सोशलमीडिया सयोंजक शिमला गिरीश ठाकुर, अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष जयवर्धन खुराना ने सभी को संबोधित करते हुए राजीव गाँधी जी के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री का देश के लिए जो योगदान रहा उसे भुलाया नहीं जा सकता। राजीव गांधी को याद करते हुए युवा कांग्रेस के समस्त कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की और आने वाले समय में उनकी देश के प्रति जो दूरदर्शी सोच को आगे लेकर जाने का संकल्प लिया।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव बलदेव ठाकुर ने हिमाचल से भाजपा के टिकट पर जीतकर गए तीन लोकसभा सांसदों और मनोनीत होकर गए तीन राज्यसभा सांसदों पर आज कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि हिमाचल सात अगस्त से लेकर आजतक गंभीर त्रासदी से गुजर रहा है और प्रदेश में बहुत बड़ी जानमाल की हानि हुई है। मुख्यमंत्री और कांग्रेस की एकमात्र सांसद प्रतिभा सिंह एवं सरकार लगभग मंत्री संसदीय सचिव अपनी जान की परवाह किये बगैर लगातार लगातार आपदा प्रभावित लोगों से मिलकर उनका दु:ख दर्द बांट रहे हैं और उनकी हरसंभव मदद कर रहे हैं। बलदेव ठाकुर ने कहा कि सरकार जो इस भयंकर आपदा में हरसंभव मदद करने मे दिन रात जुटी है। इसके विपरीत विपक्ष के नेता जयराम जो प्रदेश में पूर्व में मुख्यमंत्री रहे हंै वो एक औपचारिकता करने के लिए और मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए लोगों के बीच जाकर उल्टा जहर घोल रहे रहे हैं। वहीं, भाजपा से संबंधित विधायक अधिकारियों के साथ बतमीजी कर रहे है जो फील्ड में लोगो को राहत पंहुचाने का कार्य कर रहे है जबकि इस समय राजनीति नही मिलजुल कर काम करने की जरूरत है। बलदेव ठाकुर ने भाजपा के तीन लोकसभा सांसद और तीन राज्यसभा सांसदों का फर्ज था कि प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और गृह मंत्री को प्रदेश में लाते और विभिन्न जगह जगह हुए जानमाल की हानि का जायजा लेकर प्रदेश को राष्टीय आपदा से प्रभावित राज्य घोषित करवाते। लेकिन ये सभी सांसद आज तक कुंभकर्ण की नींद सोए हुए हैं। इसलिए मुख्यमंत्री ने भाजपा के इन सांसदों को कटघरे में खड़ा किया तब आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय मंत्री आज हिमाचल दौरे पर शिमला हादसे के छठे दिन आए है और सिर्फ मीडिया में कह रहे हंै कि केंद्र से पूरी आर्थिक मदद मिलेगी, जबकि सच्चाई ये है कि आपदा राहत के नाम से लेकर हिमाचल सरकार को एक नया पैसा नहीं मिला है सिर्फ प्रधानमंत्री सड़क योजना का पैसा जरूर प्रदेश को मिला है नियमानुसार उसको सिर्फ संबंधित सड़कों पर ही खर्च कर सकते हैं। आपदा प्रभावितों को अन्य राहत देने के लिए उस राशि को खर्च नहीं कर सकते।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) का ऐलान किया। 39 मेंबर्स की इस कमेटी में सोनिया, राहुल, प्रियंका शामिल हैं। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (90) को भी कमेटी में बरकरार रखा गया है। सीडब्ल्यूसी में हिमाचल से आनंद शर्मा को सदस्य बनाया गया है, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को आमंत्रित स्थाई सदस्य बनाया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश से दिग्विजय सिंह और कमलेश्वर पटेल, छत्तीसगढ़ से ताम्रध्वज साहू और राजस्थान से सचिन पायलट को जगह मिली है। तीनों राज्यों में इसी साल के आखिर में चुनाव होने हैं। खड़गे ने अपने खिलाफ चुनाव लड़ने वाले शशि थरूर को भी वर्किंग कमेटी में शामिल किया है। सीडब्ल्यूसी में कुल 84 नाम हैं। इनमें सीडब्ल्यूसी मेंबर, स्थायी आमंत्रित, महासचिव, विशेष आमंत्रित और प्रभारियों के नाम शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के घुमारवीं जनपद स्थित गुणात्मक शिक्षा व कोचिंग के लिए जाने-माने शिक्षण संस्थान मिनर्वा से हर साल की भांति इस साल भी कई विद्यार्थियों का चयन बहुप्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों में हुआ है। इस कड़ी में सर्वप्रथम संस्थान के 11 छात्रों का चयन प्रौद्योगिकी में स्नातक बै़चलर ऑफ टेक्नोलॉजी करने के लिए राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान एनआईटी हमीरपुर में हुआ है। मिनर्वा संस्थान से शिक्षा व कोचिंग प्राप्त कर संस्थान के छात्रा तनिष्क चौधरी पुत्री कश्मीर सिंह का कंप्यूटर साइंस, पलक शर्मा पुत्री सतीश कुमार का कंप्यूटर साइंस संभव पुत्र विशाल गुप्ता का मैथेमैटिकल एंड कंप्यूटिंग, कुमारी स्नेहा पुत्री श्रवण कुमार का मैथेमैटिकल एंड कंप्यूटिंग, केशव चंदेल पुत्र कुलदीप सिंह चंदेल का इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन, अशुंल शर्मा पुत्र जोगिंदर कुमार का इलैक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन, अक्षय आनंद पुत्र दिला राम का मकैनिकल, हर्षित पुंडीर पुत्र देश राज का मकैनिकल, आकर्ष ठाकुर पुत्र विनोद कुमार का सिविल, आदित्य ठाकुर पुत्र रत्न लाल का सिविल तथा श्रमय शर्मा पुत्र संदीप शर्मा का कैमिकल ने अपनी-अपनी लग्न, मेहनत और सबके आशीर्वाद से अपनी चमक चारों ओर बिखेरी है। मिनर्वा के इन होनहारों से जहां संस्थान में खुशी की लहर है, वहीं दूसरी ओर इन सबके माता-पिता व अभिभावक भी गदगद हैं। इस मौके पर मिनर्वा संस्थान के संस्थापक व संयोजक परवेश चंदेल व राकेश चंदेल ने इन सभी बच्चों, इनके माता-पिता व अभिभावकों को बधाई प्रेषित कर सबके लिए सर्वमंगल कामनाएं की तथा भगवान से जो अभी हिमाचल में आपदा आई है उससे लड़ने और सबके सुरक्षित रहने की कामना की है।
ग्रीनबेरी आरके जी ग्रुप व ग्रीनबेरी वेल्फेयर फाउंडेशन के संस्थापक राजेश कुमरार गुप्ता द्वारा हिमाचल प्रदेश आपदा राहत कोष 2023 के लिए एक करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई। ग्रीनबेरी संस्था के संचालक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया की बीते कुछ दिनों से हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रो से आ रही खबर बिलकुल झकझोर कर रख देने वाली है और वह सरकार के साथ तत्पर खड़े है और इस समय हिमाचल के सभी वासियों और परिवारों को एक दूसरे के सहारे की ज़रूरत है। प्रदेश के सभी वासियों से आह्वान करते हुए राजेश गुप्ता ने सभी से क्षमता अनुसार आपदा राहत कोष में सरकार का सहयोग करने के लिए भी निवेदन किया। बता दें की राजेश कुमार गुप्ता पहले भी कोरोना के दौरान प्रदेश सरकार को 21 लाख की राशि मुख्यमंत्री राहत कोष और 11 लाख प्रधानमंत्री केयर फंड के लिए भी दे चुके हैं और समाज में महिलाओं और गरीब परिवार के प्रति अपनी सेवा भाव के लिए जाने जाते हैं।
प्रतिभा सिंह बोलीं- राष्ट्र कभी नहीं भुला सकता पूर्व प्रघानमंत्री के योगदान को प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी को उनकी जयंती पर याद करते हुए अपने अपने श्रदासुमन अर्पित किए। इस दौरान पार्टी नेताओं ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए देश को दिए उनके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने राजीव गांधी को याद करते हुए कहा कि देश में आईटी व दूरसंचार क्रांति के जनक के तौर पर उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में पचास प्रतिशत आरक्षण व 18 साल के सभी युवाओं को मताधिकार का अधिकार उन्हीं की देन हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र उनके योगदान को कभी नहीं भुला सकता। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालो में स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, सीपीएस मोहन लाल ब्राक्टा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर, शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान के अतिरिक्त आदर्श सूद, आनंद कौशल, विनीत गौतम, सुधीर आज़ाद, दवेंद्र बुशेहरी, वेद प्रकाश ठाकुर, भूपेेंद्र कवंर,जैनब चंदेल, उप महापौर उमा कौशल, नगर निगम शिमला के पार्षदगण, पूर्व पार्षदगण, प्रवक्ता सुरजन सिंह जोगटा, जीएस तोमर, ब्लॉक अध्यक्ष गोपाल शर्मा, राम कृष्ण शांडिल, कंवर नरेंद्र सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेंद्र रेटका, किसान कांग्रेस प्रवक्ता कंवर रविंदर सिंह,, डॉक्टर मस्त राम सिंह बीरू,सतपाल, संदीप चौहान, शांता राजता, शशि ठाकुर, पुष्पा शोभटा,वृंदा सिंह, बनिता वर्मा, सत्या वर्मा, तनु चौहान, रूमा शर्मा, विना विज, लोकेश्केवरी, बबली सालोतरा, नेहा, अनिल चौहान अतिरिक्त महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, छात्र संगठन एनएसयू आई व बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।
भारी बारिश के कारण प्रदेश भर में बंद हुए करीब 3700 रूटों में से एचआरटीसी ने 2500 रूटों पर बस सेवा को बहाल कर दिया है, लेकिन अभी भी 1226 रूट प्रदेश भर में बंद हैड्ड। इन रूटों के बंद होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रूट बंद होने से जहां प्रदेश के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। वहीं एचआरटीसी को रोजाना लाखों रुपए का घाटा उठाना पड़ रहा है। एचआरटीसी प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा रूट मंडी और कुल्लू जिला में प्रभावित हैं। मंडी जिला में 130 और कुल्लू जिला में 167 रूट प्रभावित हैं। इसके अलावा रामपुर यूनिट में 118 और सुंदरनगर यूनिट में 96 रूट प्रभावित है। वहीं प्रदेश में एचआरटीसी की 180 बसें अभी भी प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में फंसी हुई हैं। एचआरटीसी की बसें ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचाने, नौकरी पेशा लोगों को दफ्तरों तक पहुंचाने और किसानों-बागबानों व दुग्ध उत्पादकों के उत्पादों को मार्केट तक पहुंचाती हैं। ऐसे में एचआरटीसी की सेवाएं बंद होने से प्रदेश के हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर जहां सरकार व एचआरटीसी प्रबंधन एचआरटीसी को घाटे से निकालने के लिए योजनाएं बना रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर हिमाचल में आई आपदा से एचआरटीसी की मुश्किलें और अधिक बढ़ गई है।
पुलिस थाना शाहपुर के तहत पठानकोट मंडी नेशनल हाईवे पर रैत में एक शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक मृतक एक दिन से गायब था, जिसका शव रविवार को रैत बाजार के साथ लगते नाले में मिला। मृतक की पहचान सतीश कुमार (32) पुत्र बलवीर सिंह निवासी गांव बागड़ू पंचायत के रूप में हुई है। मृतक जलशक्ति विभाग में पंचायत के द्वारा फीटर के पद पर कार्यरत था जो कि पिछले एक दिन से गायब था। नाले में शव पड़ा होने के कारण उसके ऊपर मिट्टी की परत आ गई थी जिससे शव होने का पता नहीं चल रहा था। सुबह सुबह जब कबाड़ का काम करने वाले वहां पहुंचे तब उन्होंने शव को देखा तथा पुलिस को सूचना दी। मामले की पुष्टि करते हुए एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के किए धर्मशाला भेज गया है तथा आगामी जांच जारी है। फिलहाल यह कहना संभव नहीं है की उक्त व्यक्ति स्वयं नाले में गिरा है या कोई और कारण है। वहीं विधायक केवल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंच कर मृतक के पिता एवं परिवार को सांत्वना दी ओर गहरा दु:ख व्यक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदा का जायजा लेने के लिए पहुंच गए हैं। वह सबसे पहले सिरमौर जिले के सतौन गांव में पहुंचे हैं, जहां उन्होंने आपदा प्रभावितों से मुलाकात की। इसके बाद वह शिमला और बिलासपुर के आपदा प्रभावितों से मिलेंगे। बता दें कि हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोकसभा के मानसून सत्र में प्रदेश के सांसदों द्वारा हिमाचल में आई आपदा को लेकर सवाल नहीं पूछने को लेकर उन्हें घेरा था। उन्होंने कहा कि भाजपा के सांसद केंद्र से मदद लाने की बजाय आपदा में राजनीति कर रहे हैं। वह एक बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से आपदा को लेकर नहीं मिले। दोपहर बाद बिलासपुर जाएंगे नड्डा दोपहर बाद जेपी नड्डा बिलासपुर के सर्किट हाउस पहुंचेंगे। वे यहां भारी बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण हुए नुकसान और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे और स्थानीय प्रशासन से राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यक्रमों को लेकर चर्चा करेंगे।
मेरी माटी, मेरा देश अभियान के अंतर्गत देश भर से लाई मिट्टी से दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण किया जाना है। इसी कड़ी में जिला ऊना में हर गांव की मिट्टी भी दिल्ली में अमृत वाटिका के निर्माण के लिए भेजी जाएगी। इसके लिए नेहरू युवा केंद्र प्रशासन के सहयोग से हर गांव से मुठ्ठी भर मिट्टी को एकत्रित किया जा रहा है। इस मिट्टी को घड़ों में भरकर बीडीओ कार्योलयों में जमा करवाया जा रहा है। इन मिट्टी से भरे घड़ों को नेहरू युवा केंद्र ऊना में जमा करवाया गया है। घड़ों में भरी मिट्टी को दिल्ली में भेजा जाएगा। दिल्ली में इस मिट्टी के प्रयोग से अमृत महोत्सव वाटिका का निर्माण किया जाना है। आजादी के अमृत महोत्सव में हर गांव में पौधरोपण समेत अनेकों कार्यक्रम किए जा रहे हंै।
विद्यार्थियों ने धरोहर भवन का भ्रमण कर इतिहास की ली जानकारी हिमाचल प्रदेश राजभवन आज से आम जनता के लिए खोल दिया गया है। पहले दिन स्थानीय स्कूल के 60 बच्चों ने राजभवन का भ्रमण किया। उन्होंने इस धरोहर भवन का भ्रमण कर यहां संरक्षित समृद्ध संस्कृति का जायजा लिया और राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर राजभवन के इतिहास पर आधारित एक लघु वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल तथा लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल ने राजभवन के दरबार हाल में बड़ी संख्या में लोगों और बच्चों के साथ यह वृतचित्र देखा। मीडिया से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि राजभवन एक ऐतिहासिक धरोहर है और इसे आम आदमी के लिए खोलने के निर्णय से यहां फिर से चहल-पहल कायम करने का प्रयास किया गया है ताकि हर आम व खास इस धरोहर एवं यहां की विरासत से प्रत्यक्ष रूप से रू-ब-रू हो सकंे। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही यह संभव हो पाया है और उन्हें विश्वास है कि उनके निर्णय से हर कोई सहमत होगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की पहल पर शिमला में राष्ट्रपति निवास आम जनता के लिए खोला गया है और इसी तर्ज पर राजभवन खोलने का भी निर्णय लिया गया है। शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि उन्हें राज्यपाल बनने के बाद ही पहली बार शिमला आने का अवसर प्राप्त हुआ है, हालांकि वे इसके ऐतिहासिक महत्व से पहले से ही भलीभांति परिचित रहे हैं। इसी तरह पर्यटक, दूसरे राज्यों से आने वाले अन्य लोग और स्थानीय जनता भी राजभवन के इतिहास से वाकिफ तो हैं, लेकिन प्रोटोकॉल के कारण वे इसे भीतर से निहार पाने एवं इसके अवलोकन से वंचित रह जाते थे। राजभवन को खोलने के निर्णय से अब वे हिमाचल प्रदेश के इस ऐतिहासिक भवन की भव्यता, समृद्धि और परम्पराओं को भलीभांति देख व समझ पाएंगे। राजभवन में शिमला एग्रीमेंट टेबल सहित स्वतंत्रता पूर्व की अनेक बहुमूल्य कलाकृतियां संरक्षित की गई हैं, जिनका वे अब अवलोकन कर सकते हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण जान-माल के नुकसान पर कहा कि राज्य विषम परिस्थितियों से गुजर रहा है। इस आपदा से निपटने के लिए सभी लोग सहयोगी बने हैं और राजभवन भी अपने स्तर पर राहत पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजभवन ने अब तक राज्य रेडक्रॉस के माध्यम से राहत सामग्री की ११ गाड़ियां भेजी हैं। राज्यपाल ने कहा कि आपदा के दौरान उन्होंने राजभवन से बाहर आकर विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित परिवारों से भी भेंट की। उन्होंने कहा कि वह समय-समय पर केंद्र सरकार को भी यहां की स्थिति से अवगत करवाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले भी मदद की है और उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्रीय टीम द्वारा किए गए आकलन के आधार पर आगे भी मदद दी जाएगी। राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राजभवन का भ्रमण करने के लिए व्हाट्सएप नंबर ९४१८३-१६६१७ और लैंडलाइन ०१७७-२६२४१५२ पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ईमेलरू अपेपजण्तंरइींअंद/हउंपसण्बवउ पर भी आवेदन किया जा सकता है।
अधिकारियों को दिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने के दिशा निर्देश बारिश प्रभावित क्षेत्रों में राहत पुनर्वास कार्यों का लिया जायजा पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा उपमंडल के मस्सल नाले के चैनलाइजेशन किया जाएगा इस के लिए विभागीय अधिकारियों को शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं तथा बरसात के दौरान नाले में जल स्तर अधिक होने पर स्थानीय लोगों तथा इंजीनियरिंग कालेज को किसी भी तरह का नुक्सान नहीं हो। शनिवार को पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने नगरोटा बगबां विधानसभा क्षेत्र की ठानपुरी, बढ़ाई, मसल जलोट, लूना, रिडी, निहार्गलू, कालीजन और मुमता पंचायतों में भारी बारिश से हुए नुक्सान का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देते हुए कहा कि राहत तथा पुनर्वास के कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरतें तथा आपदा प्रभावित लोगों को हरसंभ मदद मुहैया करवाई जाए ताकि किसी भी परिवार को परेशानी नहीं झेलनी पड़े। इस दौरान उन्होंने बंद पड़े ग्रामीण रास्तों, पेयजल परियोजनाओं को शीघ्र पुन: स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग, कृषि विभाग, बागबानी विभाग को संयुक्त तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों तथा बागबानों को हुए नुक्सान की रिपोर्ट तैयार करने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए ताकि किसानों तथा बागबानों को किसी भी तरह से असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मानवीय सरोकारों को समर्पित प्रदेश सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास कार्य युद्ध स्तर पर संचालित कर रही है। राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है जिसकी सराहना विश्व बैंक द्वारा भी की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावितों के दु:ख-दर्द से भली-भांति परिचित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी प्रभावितों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इस दौरान उपायुक्त कांगड़ा डॉक्टर निपुण जिंदल एवं पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री व समस्त विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने अपने त्रिदेव भाजपा प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, उपाध्यक्ष पवन काजल और प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव भारद्वाज, विधायक नूरपुर रणवीर सिंह, इंदौरा की पूर्व विधायक रीता धीमान, ज्वाली से भाजपा प्रत्याशी रहे संजय गुलेरिया, प्रदेश सचिव विशाल चौहान, जिला अध्यक्ष रमेश राणा, प्रदेश के मीडिया सह प्रभारी विश्व चक्षु, इंदौरा और फतेहपुर मंडल अध्यक्ष सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, फतेहपुर और इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के रियाली पुल, मंड, हालेड, भोगरवा, बड़ूखर का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिन में रेस्क्यू किए गए 2209 लोगों के साथ भाजपा हर कदम साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रशासन से हुई बातचीत के तहत फतेहपुर उपमंडल में फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। लेकिन भाजपा दोबारा सभी लोगों को उनके घर में सुरक्षित पहुंचाने तक मैदान में डटी रहेगी। इसके लिए सरकार व प्रशासन से लगातार समन्वय बनाकर भाजपा कार्य में डटी रहेगी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने बताया कि इंदौरा और फतेहपुर में अब तक 994 लोगों को एयरलिफ्ट और 1005 लोगों को बोट के माध्यम से रेस्क्यू किया गया। वहीं 210 लोगों को ट्रैक्टर और ट्रॉली के माध्यम से रेस्क्यू किया गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान इंदौरा से कुल 1787 और फतेहपुर से 422 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि राहत शिविरों में पहुंचकर भाजपा ने हर व्यवस्था को जाना है, और जंहा कोई कमी नजर आई है, उसे संगठन अपने स्तर पर व प्रशासन के ध्यान में ला रही है। उन्होंने बताया कि सरकार को आगामी समय में पानी छोड़ने से पहले ही व्यवस्था को सुधारना होगा, और लोगों के घरों-खेतों को बचाने के लिए उचित कदम उठाने होंगे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड जब भी पोंग डैम के गेट खोलता है उसके कारण हजारों हेक्टेयर जमीन पानी में जल मग्न हो जाती है और ऐसी ही घटना वर्ष 1988 में भी घटित हो चुकी है। जिससे लोग बेघर हो जाते हैं, अनाथ हो जाते हैं, पशु धन बह जाता है। परंतु दुख की बात है कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड कभी भी इस समस्या के बारे में गंभीरता से सोचता ही नहीं, जबकि इस योजना से बीवीएन जहां बिजली तैयार करता है वहीं राजस्थान प्रदेश को पानी की आपूर्ति होती है, इसी जल विद्युत प्रोजेक्ट के कृत्य के कारण लोगों के जनजीवन को हम राहत कोष के शिविरों में जाकर देख रहे हैं, बहती हुई जमीनों और खेत खलियानों को देख कर मन दूखी हो जाता है। परमार ने हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि जहां सैकड़ों लोगों के घर उजड़ गए, वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री इस क्षेत्र का हवाई दौरा करके वापस चले गए और फौरी राहत के लिए कोई फूटी कौड़ी तक नहीं दी और वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी वाह वाही लूटने के लिए रस्म निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र में इस क्षेत्र की समस्या को वह जोरो शोरों से उठाएंगे, और लोगों के हुए नुकसान के लिए उचित मुआवजा मिले इसके लिए भी पूरे प्रयास करेंगे। परमार ने कहा कि वहां पर जिस प्रकार इस आपदा के कारण किसानों की खेती और उनके माल मवैसी तबाह हुए हैं, उससे इस क्षेत्र को आर्थिक तौर पर और सामाजिक तौर पर भी एक बहुत बड़ा धक्का लगा है। इस संदर्भ में भाजपा की टीम ने लोगों को यह आश्वस्त किया कि इसकी विस्तृत रिपोर्ट बनाकर वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपेंगे और उसके बाद दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा और आवश्यकता अनुसार जहां भी जरूरत पड़ी वहां से मदद के लिए प्रयास करेंगे। लोगों को जहां बिजली पानी की समस्या हो रही है उसके लिए विपिन परमार ने प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को यह निर्देश दिए कि तुरंत इस दिशा में लोगों की ऐसी जो भी मूलभूत समस्याएं हैं उनको बहाल किया जाए। बिजली के कारण लोगों की दैनिक स्थिति बड़ी प्रभावित हो रही है, पेयजल के लिए पानी न मिलने से बड़ी कठिनाई आ रही है, तुरंत प्रशासन इसके लिए दिन-रात करके इन समस्याओं का हल निकाले।
उप मुख्यमंत्री ने इंदौरा तथा फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में लिया नुकसान का जायजा उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में बरसात के कारण जलशक्ति विभाग को प्रारंभिक अनुमान के तहत अब तक 2000 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। यह जानकारी उन्होंने आज इंदौरा तथा फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लेने के उपरांत दी। उन्होंने बताया कि गत दिनों व्यास नदी में आई भयंकर बाढ़ से जलस्तर बढ़ने के कारण कांगड़ा ज़िला के मंड क्षेत्र के तहत इंदौरा तथा फतेहपुर में लोगों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि पौंग जलाशय के बहाव क्षेत्र में बाढ़ के कारण इंदौरा और फतेहपुर क्षेत्र की 27 पंचायतें प्रभावित हुई हैं, जिनमें से 22 पंचायतें सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। प्रारम्भिक अनुमान में इन क्षेत्रों में लोक निर्माण विभाग को 54 करोड़, जल शक्ति विभाग को 31 करोड़ जबकि विद्युत विभाग को 4 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण अभी भी अधिकतर क्षेत्र पानी में डूबे हुए हैं जिस कारण इन क्षेत्रों में नुकसान का सही आंकलन करना अभी संभव नहीं है । उन्होंने कहा कि जैसे ही इन क्षेत्रों में पानी का स्तर कम होगा तो नुकसान का वास्तविक आंकलन कर प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के साथ उनके स्थाई पुनर्वास को सुनिश्चित बनाया जाएगा। श्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि इन क्षेत्रों से लगभग 4 हज़ार लोगों को प्रशासन तथा लोगों के सहयोग से सुरक्षित निकाला जा चुका है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना, सेना, राष्ट्रीय एवं राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और पुलिस ने बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बाढ़ के कारण हुए नुकसान का आज प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करने के अतिरिक्त मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में बाढ़ से होने वाले नुकसान के पीछे अवैध खनन भी एक मुख्य कारण रहा है। जिस कारण तटों की स्थिति बिगड़ने की वजह से पानी का बहाव गांव तथा खेतों की तरफ मुड़ा है। जिससे इस क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यास नदी का चरणबद्ध तटीयकरण करने का मामला केंद्र सरकार से उठाया है तथा इस मामले को पुन: केंद्र सरकार से उठाया जाएगा। श्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने केंद्र से राज्य में घटित इस भयंकर त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का मांग की है । इसके अतिरिक्त राज्य को हुए नुकसान के लिए 2 हज़ार करोड़ रुपए की राहत राशि शीघ्र जारी करने का आग्रह किया है। लेकिन केंद्र से अभी तक कोई विशेष सहयोग नहीं मिला है। श्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि पिछले 50 वर्षों में यह राज्य की सबसे विनाशकारी प्राकृतिक आपदा है। जिससे प्रदेश को 10 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त 350 लोगों की बहुमूल्य जिंदगियां चली गई हैं तथा 50 लोग अभी लापता हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें, जल आपूर्ति और बिजली को बहाल करने के लिए भी विभागों द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने इस दौरान लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और बिजली बोर्ड के अधिकारियों को और अधिक तेज गति से कार्य करने के निर्देश दिए। जिन प्रभावित क्षेत्रों में अभी तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है उन्होंने उन क्षेत्रों में जनरेटर से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ राहत व पुनर्वास कार्यों में विधायक मलेंद्र राजन तथा भवानी पठानिया के साथ-साथ प्रशासन व सभी विभागों की तत्परता से कार्य करने के लिए उनकी तारीफ की। जो दिनरात पीड़ित मानवता की सेवा में डटे रहे। उपमुख्यमंत्री ने राधा स्वामी सत्संग भवन बडूखर में प्रशासन द्वारा स्थापित राहत शिविर में लोगों से बातचीत की तथा उन्हें प्रदेश सरकार की तरफ से हर संभव सहायता पहुंचाने का भरोसा दिया। इसके उपरांत उन्होंने राहत शिविर में लोगों के साथ भोजन किया। इस मौके पर फतेहपुर के विधायक भवानी पठानिया तथा इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन ने अपने-अपने क्षेत्र में बाढ़ से हुए नुकसान का ब्यौरा उपमुख्यमंत्री के सम्मुख रखा तथा उनसे इस क्षेत्र के लिए उदार वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया ताकि प्रभावित परिवारों को आपदा से हुए नुकसान की भरपाई हो सके।
लंज में नितेश मनकोटिया अध्यक्ष व रितिका को बनाया सचिव मटौर कॉलेज में अंशुल अध्यक्ष और शायनी को चुना सचिव अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा लंज महाविद्यालय और मटौर महाविद्यालय की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। नवगठित कार्यकारिणी समारोह में चुनाव अधिकारी के रूप में विभाग संयोजक अभिनव चौधरी उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में जिला संगठन मंत्री विशाल सकलानी उपस्थित रहे। कार्यकारिणी की घोषणा से पूर्व चुनाव अधिकारी अभिनव चौधरी ने कहा विद्यार्थी परिषद हर वर्ष प्रत्येक महाविद्यालय में नई कार्यकारणी का गठन करती है जो पूरा वर्ष अपनी इकाई में छात्रहितों की लड़ाई लड़ती है छात्रों को आने वाली समस्याओं को प्रशासन के सामने रख कर उन्हे हल करवाने के लिए प्रयासरत रहती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता साल के 365 दिन अपनी इकाइयों में छात्रहितों के लिए कार्य करती है। विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता न तो रविवार देखता है न सोमवार न वार न त्योहार व केवल और केवल समाजहित और छात्रहित की बात देखता है। विद्यार्थी परिषद में पद नहीं दायित्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि लंज कॉलेज में नितेश मनकोटिया को इकाई अध्यक्ष व रितिका को सचिव बनाया गया है। वहीं, मटौर कॉलेज में अंशुल को इकाई अध्यक्ष और शायनी को सचिव चुना गया है। उन्होंने का विद्यार्थी परिषद हर वर्ष अपनी पुरानी इकाइयों को भंग करके नई कार्यकारणी का गठन करती है जो साल भर अपनी इकाइयों में छात्र हितों के लिए काम करती है। कार्यकर्ताओं को उनकी रुचि के अनुसार संगठन में दायित्व किया जाता है।
धर्मशाला के कोतवाली से वाया डीसी रेसिडेंस, मैक्लोडगंज जाने वाला मार्ग बड़ी गाढ़ियों के लिए बंद रहेगा। एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। उन्होंने बताया कि जिलाधीश आवास से मैक्लोडगंज जाने वाला मार्ग भारी बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए उपायुक्त कांगड़ा आवास मार्ग से मैक्लोडगंज जाने वाला रास्ते पर बड़ी गाड़ियों की आवाजाही पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मैक्लोडगंज जाने वाली बड़ी गाड़ियों को धर्मशाला बस स्टैंड से मैक्लोडगंज बाइपास के रास्ते जाने की अनुमति होगी।
शिमला शहर के कृष्णानगर क्षेत्र में हुए जान-माल के भारी नुकसान, पेड़ों से भवनों को मंडराते खतरे, कूड़ा नियमित रूप से न उठने व कूड़े के ढेर, पानी की उचित निकासी व उचित सीवरेज व्यवस्था को लेकर शिमला नागरिक सभा का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा से मिला व उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। नागरिक सभा ने इन समस्याओं का तुरंत समाधान करने की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में संजय चौहान, विजेंद्र मेहरा, फालमा चौहान, बालक राम, सोनिया सबरबाल, हिमी देवी, मीना देवी, अनिल ठाकुर, अमित ठाकुर, कमल शर्मा, हरीश कुमार, शाहबाज खान, रणजीत, भानु प्रताप, बिमला, पुष्पा, कौशल्या, शीला ठाकुर, पिंकी, अशोक, बिट्टू, अश्वनी, चमन लाल, पंकज, जगदीश चंद, अमृति देवी व डिम्पल आदि मौजूद रहे। नागरिक सभा संयोजक संजय चौहान व सह संयोजक विजेंद्र मेहरा ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात के कारण भयंकर तबाही हुई है। शिमला शहर में आपदा ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दो दिनों में ही शिमला शहर के कृष्णानगर क्षेत्र के कई भवन जमींदोज हो चुके हैं व कई खतरे की जद में हैं। कृष्णानगर का एक बहुत बड़ा इलाका असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। कई रास्ते टूट चुके हैं या बंद हैं। इस त्रासदी से जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कृष्णानगर के प्रभावित इलाके में जान-माल के लिए भयंकर खतरा साबित हो रहे पेड़ों को तुरंत काटा जाए। उन्होंने कृष्णानगर क्षेत्र के सिख लाइन क्षेत्र में कूड़ा नियमित रूप से न उठने व कूड़े के ढेर, पानी की उचित निकासी व उचित सीवरेज व्यवस्था आदि समस्याओं का तुरन्त समाधान करने की मांग की है क्योंकि इन सभी समस्याओं से खतरा और ज़्यादा बढ़ रहा है व जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। कृष्णानगर के नालों में कूड़े के अंबार लगे हैं। पानी की उचित निकासी के अभाव व टूटी हुई या खुली हुई सीवरेज व्यवस्था से भवनों में पानी रिस रहा है। इस पर अतिरिक्त आयुक्त ने नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी, एसजीपीएनएल, वन विभाग, बी एंड आर विभाग को इन समस्याओं का तुरंत निदान करने के निर्देश जारी किए व फील्ड अधिकारियों को कृष्णानगर का दौरा करने को कहा। फील्ड अधिकारियों ने आदेशों का पालन करते हुए कृष्णानगर का दौरा किया व स्थानीय जनता को समाधान का आश्वासन दिया। नागरिक सभा ने चेताया है कि अगर इन समस्याओं का तुरंत हल न हुआ तो जनता लामबंद होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
शिमला नागरिक सभा का एक प्रतिनिधिमंडल हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक रोहन ठाकुर से मिला व उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। नागरिक सभा ने मांग की है कि समरहिल में प्राकृतिक आपदा के कारण बालूगंज से समरहिल की ओर नष्ट हुई दोनों सड़कों व रेलवे ट्रैक के मद्देनजर स्थानीय जनता, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कर्मचारी व छात्र भारी परेशानी झेल रहे हैं, इसलिए चार एचआरटीसी टैंपो ट्रेवलर गाड़ियों की साधारण किराया पर व्यवस्था की जाए। प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ओल्ड बस स्टैंड शिमला व बालूगंज से समरहिल के लिए गाड़ियों का संचालन शुरू कर दिया है। प्रतिनिधिमंडल में संजय चौहान, विजेंद्र मेहरा, सुनील पराशर, राम प्रकाश, अमित ठाकुर, अनिल ठाकुर, कमल शर्मा, हरीश कुमार, शाहबाज खान, रंजीत, भानु प्रताप आदि शामिल रहे। नागरिक सभा संयोजक संजय चौहान, सह संयोजक विजेंद्र मेहरा, पार्षद वीरेंद्र ठाकुर व भूतपूर्व पार्षद राजीव ठाकुर ने कहा है कि गत सप्ताह शिमला शहर व इसके साथ लगते क्षेत्रो में लगातार भारी वर्षा के कारण जान माल की भारी क्षति हुई है और आज भी कई सड़के इसके कारण बंद पड़ी हुई है। समरहिल क्षेत्र में भारी वर्षा व भूस्खलन के कारण समरहिल व एम आई रूम क्षेत्र को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग जिसमें बालूगंज से समरहिल व बालूगंज से एम आई रूम सड़क है करीब एक सप्ताह से बंद पड़े हैं। इनके बंद होने के कारण समरहिल के लिए बस सेवा बन्द है और मात्र चौड़ा मैदान से आई टी आई होते हुए एकमात्र सड़क खुली हुई है जिस पर केवल छोटे वाहन चल सकते है। रेलवे ट्रैक को भी इस भूस्खलन से भारी क्षति हुई है और रेल सेवा भी लंबे समय से बंद पड़ी है। इसके चलते समरहिल, सांगटी, एंदड़ी व अन्य साथ लगते क्षेत्रो की हजारों की आबादी प्रभावित है और परिवहन की पर्याप्त सुविधा न होने के कारण इस संकट की घड़ी में बेहद परेशान है। इस क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश विश्विद्यालय व अन्य संस्थान भी है जहां पर शहर के अन्य क्षेत्रो व शहर के बाहर से भारी संख्या में छात्र, कर्मचारी व अन्य लोग समरहिल आते हैं। पर्याप्त परिवहन सुविधा न होने से आज समरहिल पहुंचना कठिन हो गया है। अत: इस विकट परिस्थिति में समरहिल व शहर की जनता को इस संकट में परेशानी को ध्यान में रखते हुए कम से कम 4 अतिरिक्त टेंपो ट्रैवलर साधारण किराया पर समरहिल, सांगटी व एम आई रूम के लिए तुरंत प्रभाव से चलाने की जरूरत है ताकि जनता को उचित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके। नागरिक सभा की मांग को मानते हुए एचआरटीसी प्रबन्धन ने आज से ही साधारण किराया पर दो टेम्पो ट्रेवलर शुरू कर दी हैं व दो अन्य का संचालन सोमवार से शुरू हो जाएगा।
हिमालयन आईटीआई लगवलियाना में 25 अगस्त को युवाओं को रोजगार मिलेगा। जानकारी के अनुसार जेएमडी सिक्योरिटी सर्विस मोहाली,देश की नामी कंपनी मैसेरज गोदरेज मैन्युफैक्चरिंग कंपनी मोहाली और टीआई साइकल राजपुरा के लिए 14306 रुपये प्रतिमाह सीटीसी सैलरी पर 200 बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करेगी। इसमें वे युवा भाग ले सकते हैं, जिनकी आयु 18 से 30 वर्ष के बीच है। इसमें ट्रेड -इलेक्ट्रीशियन, फीटर, मोटर मकैनिक व्हीकल, डीजल मकैनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, प्लंबर, इलेक्ट्रॉनिक्स में पास छात्र भाग ले सकते हैं। प्रधानाचार्य आनंद कुमार का कहना है कि इच्छुक विद्यार्थी अपने साथ पासपोर्ट साइज 4 फोटो, दसवीं, बारहवीं तथा आईटीआई का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक अकाउंट की दो कापी आदि दस्तावेज लेकर सुबह 10 बजे हिमालयन आईटीआई के प्रांगण में पहुंच जाएं। कंपनी की तरफ से लीव, बोनस, चाय, स्नैक्स,लंच और डिनर ऑन ड्यूटी टाइम सब्सिडाइज्ड रेट पर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त शूज और यूनिफॉर्म कंपनी की तरफ से दी जाएगी।
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला 22 अगस्त को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सोलन के प्रधानाचार्य ललित कुमार शर्मा ने दी। ललित कुमार शर्मा ने कहा कि मेला 22 अगस्त, 2023 को प्रात: 11.00 बजे आरंभ होगा। मेले में शिमला, सोलन व सिरमौर ज़ोन के इच्छुक उम्मीदवार भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेले में विभिन्न व्यवसायों में आईटीआई पास प्रशिक्षुओं के अतिरिक्त दसवीं, व्यवसायिक विषय के साथ 12वीं पास विद्यार्थी तथा डिप्लोमा होल्डर अभियर्थी अपना पंजीकरण करवाकर मेले में आई हुई कंपनियों में साक्षात्कार के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मेले में जिन कम्पनियों ने भाग लेना है वह अप्रेंटिस पोर्टल पर पंजीकृत करवाकर मेले में आए अभ्यर्थियों का पंजीकरण अपनी संस्थान में कर सकती हंै। उन्होंने इच्छुक उम्मीदवारों से अप्रेंटिस मेले में आकर लाभ उठाने का आग्रह किया। ललित कुमार शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के मेले का आयोजन प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर प्रत्येक माह किया जाता है। इस बार प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला का आयोजन सोलन में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मेला कम्पनियों को कुशल श्रम शक्ति प्रदान करने और शिक्षित युवाओं को बेहतर रोजगार प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगा।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने कहा कि राज्य मुक्त विद्यालय के तहत परीक्षा सत्र मार्च व सितम्बर 2024 में कक्षा आठवीं, दसवीं व जमा दो हेतु आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संदर्भ में वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। मार्च 2024 के लिए 8वीं, 10वीं व 12वीं कक्षाओं के लिए फ्रेश एडमिशन, री-अपीयर, अतिरिक्त विषय, इंप्रूवमेंट के लिए बिना विलंब शुल्क के एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक, एक नवंबर से 31 नवंबर तक 1000 रुपये के साथ तथा 1 दिसंबर से 30 दिसंबर तक 2000 रुपये के साथ आवेदन होंगे। वहीं सितंबर 2024 के लिए 8वीं, 10वीं, 12वीं कक्षाओं के लिए फ्रेश एडमिशन, री-अपीयर, अतिरिक्त विषय, इंप्रूवमेंट के लिए बिना विलंब शुल्क 1 अप्रैल 2024 से 30 अप्रैल तक होंगे। वहीं विलंब शुल्क एक हजार रुपये के साथ एक मई से 31 मई तक तथा विलम्ब शुल्क 2 हजार रुपये के साथ एक जून से 29 जून तक आवेदन होंगे। सचिव ने कहा कि स्टार्स प्रोजेक्ट के तहत हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा स्टूडेंट ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर बनाएगा। बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस साफ्टवेयर के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि किस स्टूडेंट ने कौन सा एग्जाम दिया है। कहीं बच्चा स्कूल से ड्राप आउट तो नहीं हुआ है, यदि हुआ है तो अब क्या कर रहा है। बोर्ड की ओर से तीसरी, पांचवीं, आठवीं, नौंवीं व बारहवीं कक्षा के लिए प्रश्न बैंक तैयार किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर के अध्यापकों को इसमें जोड़ा जाएगा। प्रश्न बैंक तैयार करके शिक्षा बोर्ड अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगा। यदि कोई बच्चा एग्जाम की तैयारी कर रहा है तो वह मॉक टेस्ट देकर खुद का आकलन कर सकता है, इसके लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार किया जाएगा। पासिंग सर्टिफिकेट की कई बच्चों को जरूरत होती है, पहले यह पासिंग सर्टिफिकेट ऑन डिमांड दिए जाते थे, लेकिन अब बोर्ड ने हर स्टूडेंट को पासिंग सर्टिफिकेट जारी करने का निर्णय लिया है। इस वर्ष दसवीं व बारहवीं की परीक्षा पास कर चुके स्टूडेंटस से पासिंग सर्टिफिकेट का शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि अगले वर्ष से इसके लिए 100 रुपये शुल्क तय किया गया है। एनसीईआरटी ने पहली व दूसरी कक्षा का नया पाठयक्रम तैयार किया है। इस मामले को शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश सरकार को भेजा है, सरकार की एपू्रवल आने के बाद ही शिक्षा बोर्ड नया पाठयक्रम लागू करेगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने आज सोलन स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके निपटारे के निर्देश दिए।
केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे वाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत जिला किन्नौर की पंचायतों के जनप्रतिनिधियों के दल ने आज उपायुक्त किन्नौर तोरूल रवीश से भेंट की। गौरतलब है कि वाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आने वाली पंचायतों के 14 प्रधानों को केंद्र सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में आयोजित समारोह में आने के लिए कहा गया था ताकि वह अपनी-अपनी पंचायतों से संबंधित मामलों को केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रख सकें। इसके उपरात आज वाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत आने वाली पंचायतों के 14 प्रधानों ने उपायुक्त किन्नौर से भेंट की। उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि वाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत जिला के 33 गांव को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन 33 गांव को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा इन गांव में हर प्रकार की मूलभूत व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कार्य किया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने पंचायतों को आपदा में सशक्त करने के लिए प्रधानों से सुझाव आमंत्रित किए। इस अवसर पर सहायक आयुक्त संजीव कुमार भोट, खंड विकास अधिकारी पूह इंद्र लोक्टस सहित अन्य उपस्थित थे।


















































