केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 16,464 नए मामले सामने आए हैं। नए आंकड़े के साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 4,40,36,275 पर पहुंच गई है। वहीं इस वायरस की चपेट में आकर जान गवांने वाले कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 5,26,396 हो गई। बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,33,65,890 हो गई है। वहीं एक्टिव केस की बात करें तो यह संख्या 1,43,989 पर पहुंच गई है। बता दें कि रविवार की तुलना में दैनिक मामलों और मौत के मामलों में आज कमी देखी गई है। रविवार यानी 31 जुलाई को देश में 19, 673 नए केस सामने आए थे। वहीं 39 लोगों की जान गई है। जबकि रविवार को शनिवार यानी 30 जुलाई की तुलना में 11.5% कम केस दर्ज किए गए थे। देश में 30 जुलाई को एक दिन में कोरोना के 20,408 नए मामले सामने आए थे। जिसके बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,40,00,138 हो गई थी। वहीं, संक्रमण से शनिवार को 44 लोगों की मौत हो गई थी।
कॉमनवेल्थ गेम्स2022 का आयोजन बर्मिंगम में हो रहा है। इसके तीसरे दिन भारत को दूसरा गोल्ड मेडल मिला। जेरेमी लालरिनुंगा ने वेटलिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने स्नैच में 140 किलोग्राम वेट लिफ्ट किया। जबकि क्लीन एंड जर्क में 160 किलो भार उठाया। जेरेमी ने स्नैच में 140 किलो भार उठाकर रिकॉर्ड कायम कर दिया है। मेन्स के 67 किलो वर्ग के फाइनल में वाइपावा नेवो इओन दूसरे स्थान पर रहे। मेन्स के 67 किलो वर्ग के फाइनल में जेरेमी को समोआ के वेटलिफ्टर वाइपावा नेवो इओन कड़ी टक्कर दे रहे थे। लेकिन अंत: जेरेमी ने बाजी मार ली। जेरेमी ने स्नैच के पहले प्रयास में 136 और दूसरे में 140 किलो भार उठाया। लेकिन वे तीसरे प्रयास में 143 किलो भार नहीं उठा सके। इसके बाद वे क्लीन एंड जर्क की तरफ बढ़े। इसमें उन्होंने पहले प्रयास में 154 और दूसरे में 160 किलो भार उठाकर मुकाबला जीत लिया। यह कॉमनवेल्थ गेम्स का एक रिकॉर्ड रहा। इंग्लैंड के वेटलिफ्टर जसवंत सिंह शेरगिल चौथे नंबर पर रहे। उन्होंने स्नैच के पहले प्रयास में 110 और दूसरे में 114 किलो भार उठाया। जबकि क्लीन एंड जर्क में 140 और 146 किलो भार उठाया। श्रीलंकाई वेटलिफ्टर चतुरंगा जयसूर्या पांचवें स्थान पर रहे। बता दें कि भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में खबर लिखने तक 5 मेडल मिले हैं और पांचों में मेडल वेटलिफ्टिंग में मिले हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई हस्तियों ने जेरेमी को इस मौके पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। जेरेमी को सोशल मीडिया के माध्यम से कई लोग बधाई दे रहे हैं। जेरेमी से पहले मीराबाई चानू ने वेटलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीता। प्रधानमंत्री मोदी ने जेरेमी को ट्विटर के जरिए बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया, ''हमारी युवा शक्ति इतिहास रच रही है! जेरेमी को अपने पहले राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर और साथ ही एक अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाने पर बधाई। छोटी सी उम्र में उन्होंने अपार गौरव हासिल किया है। उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।''
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऐतिहासिक चम्बा चौगान से हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्षों के उपलक्ष्य पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम प्रगतिशील हिमाचल-स्थापना के 75 वर्ष का शुभारम्भ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुखद संयोग है कि इस वर्ष देश अपनी आजादी के 75 वर्ष का उत्सव मना रहा है और साथ ही हिमाचल प्रदेश भी अपने गठन के 75 वर्ष मना रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने इन 75 वर्षों में सभी क्षेत्रों में अतुलनीय विकास और प्रगति की है जिसका श्रेय प्रदेश के प्रत्येक मेहनतकश और ईमानदार व्यक्ति को जाता है। विभिन्न बाधाओं के बावजूद, हिमाचल प्रदेश को देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक बनाने के लिए प्रदेशवासियों ने पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ काम किया। मुख्यमंत्री ने राज्य की विकासात्मक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश ने सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1948 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय मात्र 240 रुपये थी, जो अब बढ़कर 2,01,873 रुपये हो गई है। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) जो वर्ष 1948 में 27 करोड़ रुपये था अब बढ़कर 1,75,173 करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की साक्षरता दर आज 83 प्रतिशत हो गई है, जो वर्ष 1948 में मात्र 4.8 प्रतिशत थी। उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि उत्पादन 954 मीट्रिक टन से बढ़कर 1500 मीट्रिक टन और खाद्यान्न उत्पादन वर्ष 1948 में 1.99 लाख मीट्रिक टन था, जो बढ़कर 15.14 लाख मीट्रिक टन हो गया है। जयराम ठाकुर ने सड़कों को पहाड़ी प्रदेश की जीवन रेखाओं की संज्ञा देते हुए कहा कि हिमाचल के गठन के समय राज्य में केवल 228 किलोमीटर सड़कें थीं और आज राज्य में 39,354 किलोमीटर से अधिक लम्बी सड़कें हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा आरम्भ की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) ने ग्रामीण सम्पर्क सुनिश्चित करने में एक प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में पीएमजीएसवाई के तहत लगभग 20,000 किलोमीटर सड़कें निर्मित की गई हैं। उन्होंने कहा कि चम्बा जिले में गठन के समय केवल 48 किलोमीटर लम्बी सड़कें थीं, जबकि आज जिले में 2,660 किलोमीटर से अधिक लम्बी सड़कें हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अपना साढ़े चार वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर लिया है और इस अवधि में राज्य का संतुलित और चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्षी नेता बेबुनियाद मुद्दों को उठा रहे हैं और चुनाव को देखते हुए लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार जरूरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर प्रति वर्ष 1300 करोड़ रुपये से अधिक व्यय कर रही है, जबकि पिछली राज्य सरकार द्वारा केवल 400 करोड़ रुपये व्यय किए गए थे। उन्होंने कहा कि हिमकेयर, सहारा योजना, गृहिणी सुविधा योजना और शगुन योजना ने जरूरतमंदों और गरीबों को बहुत आवश्यक राहत प्रदान की है। जयराम ठाकुर ने सदियों से ऐतिहासिक मिंजर महोेत्सव को पूरे उत्साह एवं परम्परागत ढंग से मनाने के लिए राज्य के लोगों और विशेष रूप से चम्बा जिले के सभी निवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मिंजर महोत्सव हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आज अपने मन की बात कार्यक्रम में राज्य में मनाए जाने वाले चम्बा मिंजर, सायर मेले और जागरा मेले का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने मिंजर के अवसर पर राज्य की जनता को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि यह राज्य और यहां के लोगों के प्रति प्रधानमंत्री के स्नेह एवं उनकी उदारता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने मिंजर महोत्सव के अवसर पर इस उत्सव को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने की भी घोषणा की। उन्होंने चम्बा चौगान के सौंदर्य को और अधिक निखारने के लिए यहां रोशनी की उचित व्यवस्था करने की भी घोषणा की। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों द्वारा हिमाचल तब और अब थीम पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के गठन के 75 वर्षों पर आधारित गीत भी जारी किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा निर्मित हिमाचल प्रदेश के 75 वर्षों के गौरवशाली इतिहास पर आधारित एक वृत्तचित्र को भी प्रदर्शित किया गया।
प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर अनेकों नई कल्याणकारी योजनाएं कार्यान्वित की हैं। बुजुर्गों, युवाओं, बेटियों और महिलाओं पर केंद्रित इन योजनाओं से लोगों के सामाजिक-आर्थिक जीवन में आशातीत बदलाव आया है। हिमकेयर, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री सहारा योजना और मुख्यमंत्री स्वावलम्बन जैसी अनेक नई योजनाएं अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही हैं। आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजना के 4.53 लाख लाभार्थी लोगों के निःशुल्क इलाज के लिए भारत सरकार द्वारा आरम्भ की गई वृहद स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत के तहत प्रदेश के 4 लाख 31 हजार परिवार पंजीकृत हैं। योजना के तहत अभी तक 1 लाख 45 हजार मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जा चुका है, जिस पर 178 करोड़ व्यय किए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना का सार्वभौमीकरण करते हुए प्रदेश सरकार ने हिमकेयर योजना आरम्भ की ताकि प्रदेश के वो लोग भी लाभान्वित हो सकें जो आयुष्मान भारत योजना में शामिल नहीं हो पाए थे। इस योजना के तहत हिमाचल में 6 लाख 18 हजार परिवार पंजीकृत हैं। हिमकेयर के तहत अभी तक 3 लाख 8 हजार मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जा चुका है। इस पर 285 करोड़ खर्च हो चुके हैं। डबल इंजन सरकार इन दोनों योजनाओं के माध्यम से साढ़े चार लाख लोगों के निःशुल्क इलाज पर लगभग 463 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। मुख्यमंत्री सहारा योजना का 20 हजार से ज्यादा को मिल रहा लाभ राज्य सरकार ने गंभीर बीमारी के कारण दूसरों पर आश्रित हो चुके जरूरतमंदों की सहायता के लिए मुख्यमंत्री सहारा योजना क्रियान्वित की है। सम्पूर्ण देश में यह अपनी तरह की पहली योजना है। वर्तमान में हिमाचल में 20 हजार से ज्यादा जरूरतमंदों को अतिरिक्त देखभाल के लिए इस योजना के माध्यम से हर महीने 3 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इसके तहत अभी तक लगभग 80 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है। घरेलू गैस कनेक्शन पर 159 करोड़ रुपये खर्च हिमाचल सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए कृतसंकल्प है। महिलाओं के स्वास्थ्य का ख्याल रखते हुए उन्हें चूल्हे के धुंए से होने वाली बीमारियों जैसे दमा और आंखों के रोगों से सुरक्षित रखने इत्यादि के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की, जिसमें महिलाओं को मुफ्त घरेलू गैसे कनेक्शन वितरित किए गए। इस योजना को शुरू करने का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण भी है। हिमाचल में इस योजना के तहत 1 लाख 37 हजार गैस कनेक्शन वितरित किए गए, जिस पर 28.15 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। केंद्र सरकार की इस योजना का भी सार्वभौमीकरण करते हुए उज्ज्वला योजना का लाभ न पा सके गरीब परिवारों को निःशुल्क घरेलू गैस कनेक्शन देने के लिए राज्य सरकार ने गृहिणी सुविधा योजना क्रियान्वित की। योजना के तहत 3 लाख 32 हजार घरेलू गैस कनेक्शन वितरित किए गए, जिस पर 130 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वर्तमान में हिमाचल देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां हर घर में घरेलू गैस कनेक्शन है। डबल इंजन की सरकार ने इसमें 159 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च कर घर-घर निःशुल्क गैस कनेक्शन की सुविधा दी है। इस तरह हिमाचल देश का पहला चूल्हा धुंआ मुक्त राज्य भी है। मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना से 11 हजार से ज्यादा को मिला रोजगार मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में स्वरोजगार को बढ़ावा देना है। इस योजना के माध्यम से प्रदेश के बेरोजगार युवा स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित हो कर आत्मनिर्भर व स्वावलम्बी बन रहे हैं। इस योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार पात्र युवाओं को एक करोड़ रुपये तक के निवेश पर 25 से 35 प्रतिशत उपदान प्रदान कर रही है। योजना के तहत कुल 721 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। सरकार की ओर से इस योजना के तहत 200 करोड़ रुपये की उपदान राशि प्रदान की गई। इसमें कुल 4377 इकाइयां स्वीकृत की गईं, जिनसे 11 हजार 674 लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है। बेटियों की शादी पर 17 करोड़ से अधिक का शगुन बीपीएल परिवार की बेटियों की शादी पर आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए राज्य में पहली बार मुख्यमंत्री शगुन योजना आरम्भ की गई है। बीपीएल परिवार से संबंध रखने वाली बेटी की शादी पर सरकार की ओर से 31 हजार की आर्थिक सहायता शगुन के रूप में की जाती है। अब तक इस योजना के अंतर्गत 5 हजार 621 बेटियों की शादी पर आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। योजना पर 17.42 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस प्रकार राज्य सरकार सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय की भावना से सभी प्रदेशवासियों के कल्याण के लिए नित नई योजनाएं कार्यान्वित कर रही है, जिनसे समाज के सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज बचत भवन चम्बा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम मन की बात का यह अंक बहुत विशेष था क्योंकि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में चम्बा के मिंजर मेले का विशेष उल्लेख किया और चम्बा की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा में चंबियाली गीत की कुछ पंक्तियाँ भी सुनाईं। प्रधानमंत्री ने शिमला, मंडी, सोलन और कुल्लू जिले में मनाए जाने वाले सायर मेले तथा शिमला और सिरमौर जिले में मनाए जाने वाले जागरा मेले का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष हंस राज, मुख्य सचेतक बिक्रम जरयाल, विधायक पवन नैय्यर, अध्यक्ष एपीएमसी चम्बा डी.एस. ठाकुर सहित अन्य व्यक्ति उपस्थित थे।
भारत तिब्बत सीमा पुलिस के महानिदेशक संजय अरोरा को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। इसको लेकर गृह मंत्रालय ने आदेश जारी किया है। संजय अरोरा अब राकेश अस्थाना की जगह लेंगे। संजय अरोरा 31 जुलाई 2025 तक के लिए अपने पद पर बने रहेंगे। बता दें कि इससे पहले के कमिश्नर राकेश अस्थाना आज रिटायर हो रहे हैं जिनकी जगह पर संजय अरोरा को नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। राकेश अस्थाना को पिछले साल एक साल का सेवा विस्तार करके दिल्ली पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। तमिलनाडु कैडर के साल 1988 बैच के अधिकारी संजय अरोड़ा को अगस्त 2021 भारत तिब्बत सीमा पुलिस का महानिदेशक नियुक्त किया गया था। इसके अलावा उन्होंने सितंबर 2021 में भारत चीन एलएसी गार्डनिंग फोर्स का कार्यभार संभाला था। संजय अरोड़ा को आईटीबीपी में तीन सेब साहब के नाम से जाना जाता है। संजय अरोड़ा देश के उन गिने चुने आईपीएस में से हैं जो किसी अर्धसैनिक बल में डेप्युटेशन पर कमांडेट के पद पर आए थे। अरोड़ा ने साल 1997 से 2002 तक कमांडेट के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं।
हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश जारी है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है। भारी बारिश को देखते हुए पर्यटकों और लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि लोग नदी-नालों से दूर रहें बारिश के कारण नदी नालों में बाढ़ आने की संभावना है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश में आने वाले एक हफ्ते तक बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं तीन अगस्त तक मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी शिमला में भी लगातार धुंध के बीच बारिश का दौर जारी है। इस बीच प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। भारी बारिश को देखते हुए पर्यटकों और लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। बारिश के कारण नदी नालों में बाढ़ आने की संभावना है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ी है और बीते 24 घण्टो के दौरान अधिकतर हिस्सो में बारिश हो रही है आगामी तीन दिन तक भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि जुलाई माह में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है जुलाई माह में 264.5 मिलीलीटर बारिश हुई है। बीते 24 घण्टो के दौरान यहां हुई इतनी बारिश प्रदेश में जमकर बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों के दौरान कोठी में सबसे ज्यादा 82 मिलीलीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा नाहन में 73, कंडाघाट में 68, संगड़ाह में 58, कसौली में 56, राजगढ़ में 52 , गमरूर में 47, शिमला में 40, हमीरपुर में 36, चौपाल में 32, ऊना में 31, मशोबरा में 29, भोरंज में 28, भराड़ी में 27, करसोग में 25, पांवटा साहिब में 24, गोहर में 23, नारकंडा में 22, अर्की, जोगेंद्रनगर में 21, बिलासपुर में 19, रेणुका और ठियोग में 18-18 MM बारिश हुई है । 9 मकान ध्वस्त, 25 सड़के बन्द, करोड़ो का नुक्सान प्रदेश में हो रही बारिश से काफी नुकसान हो रहा है। बीते 24 घण्टो के दौरान बारिश से प्रदेश में 9 कच्चे-पक्के मकान और 8 गौशालाएं ध्वस्त हो गई। इनमें 2 मकान पूरी तरह से तबाह हो गए, जबकि 8 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। मंडी जिला में 4, हमीरपुर में 2, चंबा, सिरमौर और सोलन में एक-एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ। हमीरपुर में 3, कांगड़ा में 2, चंबा, सिरमौर और सोलन में एक पशुशाला धराशायी हुई। बारिश की वजह से 25 सड़कें, 17 टांसफार्मर और 12 पेयजल परियोजनाएं भी बंद रहीं। कुल्लू जिला में सबसे ज्यादा 15 सड़कें, चंबा में 3, सोलन व लाहौल-स्पीति में दो, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी में एक सड़क यातायात के लिए बंद है ।
बिंदियारानी देवी ने काॅमनवेल्थ गेम्स के इतिहास का अपना पहला मेडल जीता। 23 साल की मणिपुर की इस महिला वेटलिफ्टर ने 55 किग्रा वेट कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने कुल 202 किग्रा का वजन उठाया। यह भारत का कॉमनवेल्थ गेम्स का चौथा मेडल है और सभी मेडल वेटलिफ्टिंग से ही आए हैं। इससे पहले महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने गोल्ड मेडल जीता। वहीं संकेत महादेव सरगर ने सिल्वर और गुरुराज पुजारी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारत ने अब तक एक गोल्ड, 2 सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल जीता है और वह मेडल टैली में 8वें नंबर पर काबिज है। बिंदियारानी देवी ने स्नैच के पहले प्रयास में 81 किग्रा वजन उठाया। दूसरे प्रयास में उन्होंने 84 और तीसरे प्रयास में 86 किग्रा वजन उठाया। स्नैच के बाद वे ओवरऑल तीसरे नंबर पर थीं। क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में भारतीय वेटलिफ्टर ने 110 किग्रा वजन उठाया। दूसरे प्रयास में उन्होंने 114 किग्रा का असफल प्रयास किया। तीसरे प्रयास में वे 116 किग्रा का वजन उठाकर सिल्वर अपने नाम किया। यह मुकाबले का ओवरऑल अंतिम प्रयास था। यह गेम्स का ओवरऑल रिकॉर्ड भी है। उन्होंने पिछले साल कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में सिल्वर जीता था।
ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के दूसरे दिन भारत को गोल्ड मेडल दिलवाया है। उन्होंने महिलाओं के 49 किग्रा वर्ग में वेटलिफ्टिंग इवेंट में राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता। टोक्यो ओलंपिक की सिल्वर मेडल विजेता मीराबाई चानू ने स्नैच में 88 किलो का वजन उठाया और क्लीन एंड जर्क में 113 किलो का बेस्ट प्रयास किया। मीराबाई ने कुल 201 किलो का वजन उठाया। ये कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड भी रहा है। बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का ये पहला गोल्ड और कुल तीसरा मेडल है। मीराबाई चानू की इस जीत पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि, "असाधारण मीराबाई चानू ने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया है। हर भारतीय इस बात से खुश है कि उन्होंने बर्मिंघम खेलों में स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों का एक नया रिकॉर्ड बनाया. उनकी सफलता कई भारतीयों को प्रेरित करती है, विशेषकर नए एथलीट को। "
आतंकवादी संगठन आईएसआईएस को लेकर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने रविवार को देश के 6 राज्यों के13 जिलों में विभिन्न इलाके में छापेमारी की है। जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान अनेक आपत्तिजनक दस्तावेज एवं इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए हैं। NIA ने 6 राज्यों में आईएसआईएस से जुड़े 13 राज्यों में कई परिसरों की तलाशी ली, जिसमें मध्य प्रदेश में भोपाल और रायसेन जिले में, गुजरात में भरूच, सूरत, नवसारी और अहमदाबाद जिले में, बिहार में अररिया जिले में, कर्नाटक में भटकल और तुमकुर जिले में महाराष्ट्र में कोल्हापुर और नांदेड़ जिले में और उत्तर प्रदेश में देवबंद जिले में छापेमारी की गई । ये सभी जिले ISIS की गतिविधियों से संबंधित हैं।
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने अब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अनादर करने का आरोप लगाया है। लोकसभा में कांग्रेस दल के नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कहा है कि स्मृति ईरानी ने सदन में बिना आदरसूचक संबोधन के कई बार चिल्लाते हुए द्रौपदी मुर्मू का नाम लिया। इसे राष्ट्रपति के पद का अनादर बताते हुए अधीर ने स्मृति ईरानी से बिना शर्त माफी की मांग की है। ओम बिरला को लिखे पत्र में अधीर ने राष्ट्रपति से मांगी गई अपनी माफी के बारे में भी जानकारी दी है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिख स्मृति ईरानी से बिना शर्त माफी जारी करने का आह्वाहन किया है।
सोशल मीडिया पर आए दिन कुछ न कुछ वायरल होते ही रहता है। सोशल मीडिया के कारण इन दिनों कई लोगों को इससे आसानी से मदद मिलते देखी जा रही है। हाल ही में ऐसा ही हुआ, जब एक शख्स ने राजस्थान के 16 वर्षीय युवा गेंदबाज का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। वीडियो में बच्चे को सुविधाओं के अभाव में भी बेहतरीन गेंदबाजी करते देखा गया था। जिसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी युवा गेंदबाज के इस वीडियो को शेयर करते हुए उसकी सराहना की थी। वहीं अब इस युवा गेंदबाज की किस्मत पलट गई है और शुक्रवार के दिन राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने युवा गेंदबाज भरत सिंह से मुलाकात कर उसकी हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। बता दें कि हाल ही में एक ट्वीट तेजी से वायरल हुआ था, इसमें राजस्थान के राजसमंद ज़िले के भरत सिंह को गांव में मछली के जाल के बने नेट्स के बीच गेंदबाजी का अभ्यास करते देखा गया था, इस दौरान भरत सिंह शानदार गेंदबाजी करते नजर आए थे। जिसके बाद राहुल गांधी ने इस वीडियो को रीट्वीट कर उसकी तारीफ की थी।
भारत के 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'हर घर तिरंगा' अभियान की शुरुआत की। इसके तहत भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्र में एक अंडरवॉटर फ्लैग डेमो किया। देश की जनता के दिलों में देशभक्ति की भावना को जगाने और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी ने इस अभियान का आगाज किया है। भारतीय कोस्ट गार्ड के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि भारतीय तटरक्षक बल की ओर से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत समुद्र के अंदर जाकर तटरक्षक बल के जवानों ने तिरंगा फहराया है। अधिकारी ने कहा, 'हर घर तिरंगा अभियान के तहत इंडियन कोस्ट गार्ड ने समुद्र में एक अंडरवाटर फ्लैग डेमो दिया। इस पहल का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को जगाने और भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है।'
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। पहाड़ से मैदान तक आसमान से आफत बरस रही है। हिमाचल और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश मुसीबत बनकर आई है। जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी उफान पर है। दिल्ली, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम, असम, मेघालय, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली के अलावा यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई और राज्यों के लिए एक बार फिर बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 31 जुलाई तक उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है। उधर, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। गुरुवार को कुल्लू जिले के निरमंड विकास खंड की बागा सराहन पंचायत और चौपाल के रेवलपुल में बादल फटने से भारी तबाही मची। इसमें कई परिवार बेघर हो गए हैं। वहीं, सड़क बाधित होने से हजारों पेटी सेब फंस गया। लगातार हो रही भारी बारिश से क्षेत्र के लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त है। भारी बारिश के बाद लाहौल स्पीति के एक नाले में पानी का तेज बहाव देखा गया। यहां कई पेड़ उखड़ गए। गुजरात, तटीय तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश समेत कई और हिस्सों में बारिश की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस बीच सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान 1 आतंकी को मार गिराया है। बताया जा रहा है कि फायरिंग के दौरान दो जवान भी जख्मी हुए हैं। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर रखा है। जानकारी के मुताबिक दोनों तरफ से फायरिंग की जा रही है। दो आतंकियों के छिपे होने की सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए ऑपरेशन चलाया। जम्मू-कश्मीर के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारामूला जिले के करेरी इलाके के वानीगाम बाला में आतंकवादियों की मौजूदगी को लेकर जानकारी मिली थी, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने घेराबंदी करते हुए सर्च अभियान शुरू किया। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ एक आतंकी ढेर हो गया है। बताया जा रहा है कि तलाशी अभियान के दौरान वहां छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी फायरिंग में एक आतंकी को मार गिराया है। जानकारी के मुताबिक एक स्थानीय और एक पाकिस्तानी आतंकी के छिपे होने की खबर थी।
देश में कोरोना वायरस के केस कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर एक दिन में 20 हजार से ज्यादा कोरोना केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़े के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 20,408 कोरोना केस दर्ज किए गए हैं, वहीं 44 लोगों की इससे मौत हुई है। इसके बाद एक्टिव मामलों की संख्या 1 लाख 43 हजार 384 तक पहुंच चुकी है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4,40,00,138 हो गई है, वहीं कोरोना वायरस से मरने वाले कुल लोगों की संख्या बढ़कर 5,26,312 हो गई है। जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1,43,384 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.33 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.48 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 604 की कमी आई। वहीं, दैनिक संक्रमण दर 5.05 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 4.92 फीसदी दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अब तक कुल 4,33,30,442 मरीज़ संक्रमण से उबर चुके हैं, जबकि कोविड-19 मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है।
हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सचिवालय में शुरू हो गई है। बैठक में कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में कार्यरत करीब 3200 शिक्षकों की कई माह से लंबित यूजीसी पे स्केल की मांग पूरी हो सकती है। कैबिनेट बैठक में पे स्केल देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलेगी। यूजीसी पे स्केल मिलने पर शिक्षकों के मासिक वेतन में करीब 25 फीसदी तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। कैबिनेट बैठक में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य किया जा सकता है। बैठक में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर चर्चा हो सकती है। वंही आउटसोर्स पर विभिन्न विभागों, निगमों और बोर्डों में कार्यरत कर्मचारियों को राहत देने के लिए गठित कैबिनेट सब कमेटी के अध्यक्ष मंत्री महेंद्र सिंह भी कैबिनेट बैठक में इस मामले से अवगत करा सकते हैं। इन कर्मियों के लिए निगम गठित करने की संभावना है। कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री
देश के अधिकांश राज्यों में इस समय मानसून का असर देखने को मिल रहा है। राजस्थान, गुजरात, असम, उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। देश के अधिकांश इलाकों के भारी बारिश के बाद अब मानसून गंगा के मैदानी इलाकों की ओर अपना रुख करने वाला है। वहीं यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली जैसे राज्यों में बारिश का सिलसिला तेज होगा। कई इलाकों में आज तेज बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने मुताबिक, अगले 24 घंटे में दिल्ली में तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा आज पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, असम और पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश समेत सिक्किम के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बाकी पूर्वोत्तर भारत, छत्तीसगढ़, विदर्भ के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, केरल, तमिलनाडु, कोंकण और गोवा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने दक्षिण राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ के अलावा देश के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
देश में कोरोना वायरस का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। रोजाना तौर पर आंकड़ा 15-16 हजार के पार दर्ज हो रहा है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 20 हजार 557 नए मामले दर्ज हुए। वहीं, इस दौरान 44 लोगों की कोरोना के चलते मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के जारी आंकड़ों के बाद अब देश में एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 1 लाख 46 हजार 323 हो गई है। वहीं, देश में कोरोना के कुल आंकड़े पर नजर डालें तो अब ये संख्या बढ़कर 4 करोड़ 39 लाख 59 हजार 321 हो गई है। इस महामारी की चपेट में आकर मरने वालों का कुल आंकड़ा 5 लाख 26 हजार 211 हो गया है। बीते दिन के आंकड़ों से तुलना करें तो आज का आंकड़ा कल की संख्या से अधिक है। बीते दिन देश में 18313 मामले दर्ज हुए थे। इस अवधि के दौरान 57 लोगों की जान चली गई है।
राजधानी शिमला के मैहली शोघी बाईपास सड़क मार्ग पर बीती रात सेब से लदा एक ट्रक सड़क से पलट गया। ट्रक सड़क से करीब 20 फुट नीचे जा गिरा। इसमें चालक सहित एक अन्य व्यक्ति सवार था। चालक-परिचालक को गंभीर चोटें आई है, उन्हें इलाज के लिए आईजीएमले जाया गया है। दोनों कि स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सड़क के हल्के धंसे होने के कारण एक तीखे मोड़ पर यह दुर्घटना पेश आई है। ट्रक के खाई में गिरने से करीब 11 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सेब की करीब 750 पेटियां बर्बाद हो गईं। जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर PB23M 5745 शिमला के ढली मंडी से पंजाब के लिए करीब 750 सेब की पेटियां भरकर ले जा रहा था। ब्योलिया में एक गाड़ी को पास देते हुए ट्रक सड़क किनारे चला गया, जिससे आगे वाली सड़क पूरी तरह से धंस गई। चालक ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया और खाई में जा गिरा। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी, पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। आकलन लगाया गया है कि करीब 11 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और ट्रक मालिक को इस संबंध में सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि बागवानों से ढली मंडी में पंजाब के रहने वाले एक लदानी ने सेब की पेटियां खरीदी थीं, जिन्हें ट्रक में भरकर पंजाब की मंडियों में ले जाया जा रहा था।
राजधानी शिमला में एक कलयुगी बेटे द्वारा मां की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के मुताबिक व्यक्ति नशे की हालत में था और रात को 12:00 बजे घर पर आकर तेजधार हथियार से जमीन विवाद को लेकर अपनी मां की हत्या कर दी। इस दौरान उसने अपने भाई को भी घायल कर दिया। आरोपी की पहचान रामेश्वर गांव ढूंढ जुन्गा शिमला के रूप में हुई है। वहीं मृतका के दूसरे बेटे सुनील कुमार ने बताया कि उसे बीती रात मां के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी, जिस पर वह अपने कमरे से बाहर आया। इस दौरान बड़े भाई प्रकाश चंद, उसकी पत्नी शकुंतला, बहन कांता शर्मा भी आवाज सुनकर उठे। इसके बाद ऊपर कमरे में जाकर देखा तो रामेश्वर मां पर लोहे की तलवार से वार कर रहा था। जिस पर बड़े भाई प्रकाश चंद और जीजा हितेंद्र शर्मा ने रामेश्वर से तलवार छुड़वाई, लेकिन तब तक रामेश्वर मां पर कई वार कर चुका था। मां के गले, मुंह और हाथों में गंभीर चोटें आई थी। उसके बाद आरोपी रामेश्वर मौका से भाग गया। थोड़ी देर बाद मां ने दम तोड़ दिया। डीएसपी शिमला कमल वर्मा ने हत्या की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी बेटे पर आईपीसी की धारा 302 और 323 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है।
बर्मिंघम में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की शुरुआत से ठीक पहले भारत को बड़ा झटका लगा है। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर हो गए है। कुछ दिन पहले ही वर्ल्ड एथलेटिक्स में सिल्वर जीतने वाले नीरज चोट के चलते कॉमनवेल्थ गेम्स मिस कर रहे हैं। भारत अक्सर कॉमनवेल्थ गेम्स में बेहतर प्रदर्शन करता है और टॉप-3 में अपनी जगह कन्फर्म करता है। इस बार हर किसी को उम्मीद थी कि नीरज चोपड़ा की वजह से जैवलिन थ्रो में भारत का गोल्ड मेडल पक्का हो सकता है। लेकिन नीरज चोपड़ा ने खुद कन्फर्म किया है कि वह चोट की वजह से इन खेलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। वर्ल्ड एथलेटिक्स इवेंट के बाद नीरज चोपड़ा का MRI स्कैन हुआ था, जिसमें ग्रोइन एंजरी की बात पता लगी है। ऐसे में नीरज चोपड़ा को करीब एक महीने का आराम करने की सलाह दी गई है, यही वजह है कि वह कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 से बाहर हो गए हैं। कॉमनवेल्थ गेम्स में नीरज चोपड़ा का मैच 5 अगस्त को होना था, उसी दिन जैवलिन थ्रो का इवेंट था। अब इस फील्ड में भारत की उम्मीदें डीपी मनु और रोहित यादव से हैं। जैवलिन थ्रो में अब यह दोनों ही भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कारगिल विजय दिवस को आज पूरे 22 साल हो गए हैं। इस मौके पर देशभर में उस दौर को याद कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। 22 साल पहले आज ही के दिन भारत ने पाकिस्तानी की सेना को करारी शिकस्त दी थी। इस दौरान कई भारतीय सैनिकों ने अपनी जान गवां दी थी। कारगिल विजय दिवस के मौके पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत तीनों सेना के चीफ शहीदों को श्रद्धांजलि दी। बता दें, हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। जम्मू और कश्मीर में कारगिल विजय दिवस के मौके पर 1999 के कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए जम्मू के बालिदान स्तंभ पर पुष्पांजलि समारोह आयोजित किया गया। तीनों सेना प्रमुखों ने इस मौके पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कारगिल विजय दिवस पर दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
5जी स्पेक्ट्रम के लिए नीलामी प्रक्रिया आज से शुरू होगी जिसमें रिलायंस जियो और भारती एयरटेल समेत चार कंपनियां बोली लगाएंगी। इस दौरान 4.3 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 72 गीगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम के लिए बोलियां लगाई जाएंगी। स्पेक्ट्रम के लिए आने वाली बोलियों और बोलीकर्ताओं की रणनीति पर यह निर्भर करेगा कि नीलामी प्रक्रिया कितने दिन तक चलती है। उद्योग जगत को उम्मीद है कि नीलामी प्रक्रिया दो दिन तक चल सकती है और स्पेक्ट्रम की बिक्री आरक्षित मूल्य के आसपास ही होगी। स्पेक्ट्रम नीलामी के इस दौर में 5जी के लिए मौजूदा दूरसंचार सेवा प्रदाताओं रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के अलावा गौतम अडाणी की कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज भी बोली लगाने वाली है। वहीं दूरसंचार विभाग को 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी से 70,000 करोड़ रुपये से लेकर 1,00,000 करोड़ रुपये तक का राजस्व मिलने की उम्मीद है। देश में 5जी सेवाएं शुरू होने से अत्यधिक तीव्र गति वाली इंटरनेट सेवाएं देने का रास्ता साफ हो पाएगा। मौजूदा 4जी सेवाओं की तुलना में 5जी सेवा करीब 10 गुना तेज होगी। नीलामी के दौरान रिलायंस जियो की तरफ से ज्यादा खर्च किए जाने की उम्मीद है। एयरटेल के भी इस होड़ में आगे रहने जबकि वोडाफोन आइडिया और अडाणी एंटरप्राइजेज की तरफ से सीमित भागीदारी किए जाने की उम्मीद है।
कारगिल विजय दिवस जब-जब मनाया जाएगा, तब इसके लिए प्राणों की आहूति देने वाले वीर सपूतों को याद किया जाएगा। कारगिल की लड़ाई में पाकिस्तानी घुसपैठियों पर भारतीय सेना के वीर अमर सपूत कहर बनकर टूटे थे, जिनकी याद में इस दिन बर्बस ही आंखें नम हो जाती है सीना गर्व से चौड़ा। कारगिल युद्ध में हिमाचल प्रदेश के 52 जवानों ने शहादत पाई थी। जिला कांगड़ा से कैप्टन विक्रम बत्रा परमवीर चक्र, लेफ्टिनेंट सौरभ कालिया, जीडीआर बजिंद्र सिंह, आरएफएन राकेश कुमार, लांस नायक वीर सिंह, आरएफएन अशोक कुमार, आरएफएन सुनील कुमार, सिपाही लखवीर सिंह, नायक ब्रह्म दास, आरएफएन जगजीत सिंह, सिपाही संतोख सिंह, हवलदार सुरिंद्र सिंह, लांस नायक पदम सिंह, जीडीआर सुरजीत सिंह, जीडीआर योगिंद्र सिंह शामिल थे। जिला मंडी से कैप्टन दीपक गुलेरिया, नायब सूबेदार खेम चंद राणा, हवलदार कृष्ण चंद, नायक सरवन कुमार, सिपाही टेक राम मस्ताना, सिपाही राकेश कुमार चौहान, सिपाही नरेश कुमार, सिपाही हीरा सिंह, जीडीआर पूर्ण सिंह, एल/हवलदार गुरदास सिंह। जिला हमीरपुर से हवलदार कश्मीर सिंह(एम-इन-डी), हवलदार राजकुमार (एम-इन-डी), सिपाही दिनेश कुमार, हवलदार स्वामी दास चंदेल, सिपाही राकेश कुमार, आरएफएन प्रवीण कुमार, सिपाही सुनील कुमार, आरएफएन दीप चंद(एम-इन-डी)। जिला बिलासपुर से हवलदार उधम सिंह, नायक मंगल सिंह, आरएफएन विजय पाल, हवलदार राजकुमार, नायक अश्वनी कुमार, हवलदार प्यार सिंह, नाइक मस्त राम। जिला शिमला से जीएनआर यशवंत सिंह, आरएफएन श्याम सिंह (वीआरसी), जीडीआर नरेश कुमार, जीडीआर अनंत राम। जिला ऊना से कैप्टन अमोल कालिया वीर चक्र, आरएफएन मनोहर लाल, जिला सोलन से सिपाही धर्मेंद्र सिंह, आरएफएन प्रदीप कुमार। सिरमौर जिला से आरएफएन कुलविंद सिंह, आरएफएन कल्याण सिंह (सेना मेडल), जिला चंबा से सिपाही खेम राज, जिला कुल्लू से हवलदार डोला राम (सेना मेडल) कारगिल युद्ध के हीरो थे।
भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 14,830 नए मामले आने से देश में अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,39,20,451 पर पहुंच गई। वहीं, इलाज करवा रहे मरीजों की संख्या 1,50,877 से घटकर 1,47,512 हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों से यह जानकारी मिली। अद्यतन आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमण से 36 और लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 5,26,110 पर पहुंच गई है। वहीं, उपचाराधीन मामले संक्रमण के कुल मामलों का 0.34 प्रतिशत हैं, जबकि कोविड-19 से उबरने वालों की दर 98.47 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 3,365 की कमी आई। वहीं, दैनिक संक्रमण दर 3.48 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 4.53 फीसदी दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक, भारत में अब तक कुल 4,32,46,829 लोग संक्रमण से उबर चुके हैं, जबकि कोविड-19 मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है। मंत्रालय के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीकों की 202.5 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी हैं।
द्रौपदी मूर्मु ने देश की 15वीं राष्ट्रपति के तौर पर सोमवार की सुबह संसद के सेंट्रल हॉल में शपथ ले ली। इसके बाद देश को पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति मिली। CJI एन वी रमन्ना ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद अपने पहले संबोधन में द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उनके लिए देश के युवाओं और महिलाओं का हित सर्वोपरि होगा। उन्होंने कहा कि वे खुद को गौरवान्वित महसूस कर रही हैं। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू समेत अन्य कई बड़े नेता संसद भवन पहुंचे। शपथ लेने से पहले द्रौपदी मूर्मू राजघाट पहुंची और वहां पर महात्मा गांधी की श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के पद तक पहुँचना, मेरी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, ये भारत के प्रत्येक गरीब की उपलब्धि है। मैं देश की ऐसी पहली राष्ट्रपति भी हूँ जिसका जन्म आज़ाद भारत में हुआ है। उन्होंने कहा कि संथाल क्रांति, पाइका क्रांति से लेकर कोल क्रांति और भील क्रांति ने स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी योगदान को और सशक्त किया था। सामाजिक उत्थान एवं देश-प्रेम के लिए ‘धरती आबा’ भगवान् बिरसा मुंडा जी के बलिदान से हमें प्रेरणा मिली थी। उन्होंने आगे कहा कि कुछ ही दिन पहले भारत ने कोरोना वैक्सीन की 200 करोड़ डोज़ लगाने का कीर्तिमान बनाया है। इस पूरी लड़ाई में भारत के लोगों ने जिस संयम, साहस और सहयोग का परिचय दिया, वो एक समाज के रूप में हमारी बढ़ती हुई शक्ति और संवेदनशीलता का प्रतीक है। राष्ट्रपति ने कहा कि कोरोना महामारी के वैश्विक संकट का सामना करने में भारत ने जिस तरह का सामर्थ्य दिखाया है, उसने पूरे विश्व में भारत की साख बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि मैंने देश के युवाओं के उत्साह और आत्मबल को करीब से देखा है। हम सभी के श्रद्धेय अटल जी कहा करते थे कि देश के युवा जब आगे बढ़ते हैं तो वे सिर्फ अपना ही भाग्य नहीं बनाते बल्कि देश का भी भाग्य बनाते हैं। आज हम इसे सच होते देख रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कल यानि 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस भी है। ये दिन, भारत की सेनाओं के शौर्य और संयम, दोनों का ही प्रतीक है। मैं आज, देश की सेनाओं को तथा देश के समस्त नागरिकों को कारगिल विजय दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देती हूं।
चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। चीन और भारत के बीच कोर कमांडर स्तर की बातचीत के बाद भी ड्रैगन के लड़ाकू जेट पूर्वी लद्दाख में तैनात भारतीय सैन्य बलों को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं। चीन के फाइटर जेट कई मौकों पर वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी के करीब उड़ान भर रहे हैं। चीनी विमान पिछले तीन से चार हफ्तों में नियमित रूप से एलएसी के करीब उड़ान भर रहे हैं, जिसे इलाके में भारतीय रक्षा तंत्र की पड़ताल के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। भारतीय वायु सेना के जवान भी काफी जिम्मेदारी के साथ चीन की हरकतों पर नजर रख रहे हैं और हालात का जवाब दे रहे हैं। भारतीय वायुसेना खतरे से निपटने के लिए कोई भी मौका नहीं छोड़ रही है और साथ ही मामले को किसी भी तरह से बढ़ने नहीं दे रही है।
बतौर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज शाम 7 बजे देश को संबोधित करेंगे। उनके भाषण का आकाशवाणी और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर पहले हिंदी में और उसके बाद अंग्रेजी में प्रसारण होगा। संबोधन का हिंदी और अंग्रेजी में प्रसारण किए जाने के बाद दूरदर्शन के सभी क्षेत्रीय चैनलों द्वारा इसे क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित किया जाएगा। वहीं आकाशवाणी अपने क्षेत्रीय नेटवर्क पर संबोधन को क्षेत्रीय भाषाओं में रात साढ़े नौ बजे से प्रासरित करेगा। रामनाथ कोविंद ने 25 जुलाई 2017 को भारत के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। वह रविवार (24 जुलाई) को अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करने जा रहे है। द्रौपदी मुर्मू सोमवार को देश की 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। रविवार को राष्ट्रपति भवन में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और देश के पूर्व राष्ट्रपतियों की कुछ दुर्लभ तस्वीरों और इतिहास को सामने लाने वाली तीन किताबों का राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह के दौरान विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रम में निवर्तमान राष्ट्रपति कोविंद, निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य लोग शामिल होंगे।
सावन का महीना शुरू हो गया है। इसके सोमवार का बहुत अधिक महत्त्व है। सावन सोमवार के दिन व्रत रखते हुए भगवान शिव की पूजा अर्चना करने से विशेष लाभ प्राप्त होता है। कल यानी 25 जुलाई को सावन का दूसरा सोमवार है। इस दिन भगवान शिव जी पूजा के लिए समर्पित प्रदोष व्रत भी है। इसके साथ ही सावन सोमवार के इस दिन सर्वार्थ सिद्धि व अमृत सिद्धि के साथ धुव्र योग का भी निर्माण हो रहा है। ज्योतिष के अनुसार, सर्वार्थसिद्धि व अमृत सिद्धि योग में ज भी कार्य किये जाते हैं उनका पुण्य फल बहुत जल्द मिलता है।हिंदू धर्म ग्रंथों के अनुसार, इस योग में पूजा-अर्चना करने से भगवान शिव व माता पार्वती की असीम कृपा प्राप्त होगी। सावन सोमवार का व्रत रखने के लिए प्रातः काल स्नान करके पूजा स्थल को स्वच्छ करके वेदी स्थापित करें। शिव मंदिर में जाकर भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाएं. पूरी श्रद्धा से शिव जी की पूजा करने और व्रत रखने का संकल्प लें। इस दिन भगवान शिव की आराधना करने के साथ-साथ माता पार्वती की भी पूजा करें। इस दिन सोम प्रदोष व्रत होने के कारण प्रदोष काल में भी शिव की उपासना करना न भूलें। व्रत के दौरान सावन सोमवार व्रत कथा का पाठ सुनें। पूजा समाप्त होने के बाद प्रसाद का वितरण करें।
भारतीय वायुसेना में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती के लिए आज से परीक्षा शुरू हो गई है। दिल्ली, कानपुर, पटना समेत देश के कई हिस्सों में ये परीक्षा आयोजित की जा रही है। ये परीक्षा 24-31 जुलाई तक देशभर के 250 सेंटर्स पर आयोजित हो रही है। दिल्ली में ये परीक्षा केंद्र संख्या 239 के एसडी पब्लिक स्कूल में हो रही है। ये सेंटर बीयू ब्लॉक में पीतमपुरा नई दिल्ली में स्थिति है। इसके अलावा केंद्र संख्या 242 महाराजा अग्रसेन ग्लोबल स्कूल, लक्ष्मी राम पार्क, सेक्टर 22 रोहिणी के सामने दिल्ली में आयोजित हो रही है। भारतीय वायुसेना में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीरों की भर्ती के लिए ये परीक्षा आठ दिनों तक चलेगी। देशभर में 250 सेंटर्स पर आयोजित हो रही इस परीक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज शाम सात बजे से खेला जाएगा। यह मैच त्रिनिदाद के क्वीन्स पार्क ओवल में खेला जाएगा। तीन मैचों की इस सीरीज में टीम इंडिया 1-0 से आगे है। ऐसे में आज टीम इंडिया दूसरा वनडे जीतकर सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। वहीं वेस्टइंडीज की नजरें सीरीज में बने रहने पर रहेंगी। पहले वनडे से ठीक पहले ऑलराउंडर जेसन होल्डर कोरोना पॉज़िटिव हो गए थे। वह अभी तक कोरोना से उबरे नहीं हैं और अब पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। पहले वनडे में वेस्टइंडीज को सिर्फ तीन रनों से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में आज कैरेबियाई टीम सेम प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है।
अमेरिका के यूजीन में चल रहे वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के जेवलिन थ्रो इवेंट में नीरज चोपड़ा गोल्ड चूक गए। उन्होंने 88.13 मीटर जैवलिन थ्रो के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। पहले नंबर पर एंडरसन पीटर्स रहे। पीटर्स ने अपने 6 मेें से 3 अटेम्प्ट में 90 मीटर के पार भाला फेंका। हालांकि यहां दूसरे स्थान पर रहने के बावजूद नीरज इतिहास रचने में कामयाब रहे। वह भारत के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक हासिल किया है। ओवरऑल वह इस चैंपियनशिप के 39 साल के इतिहास में मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं। उनसे पहले लंबी कूद में भारतीय महिला एथलीट अंजू बेबी जॉर्ज ने यहां पदक जीता था। अंजू ने साल 2003 में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मेडल अपने नाम किया था। नीरज ने यहां फाउल थ्रो के साथ शुरुआत की और दूसरे प्रयास में 82.39 मीटर का स्कोर किया। वह फाइनल में काफी पीछे चल रहे थे।इसके बाद तीसरे अटेम्प्ट में 86.37 मीटर थ्रो कर वह चौथे पायदान पर आए और फिर चौथे अटेम्प्ट में उन्होंने 88.13 मीटर दूर भाला फेंककर दूसरा स्थान हासिल कर लिया। नीरज का पांचवां अटेम्प्ट फाउल रहा और आखिरी अटेम्प्ट में उन्होंने जैसे ही पाया कि वह जैवलिन को 90 मीटर पार नहीं फेंक पाएं हैं तो उन्होंने इस अटेम्प्ट को भी फाउल कर दिया।
राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह एक तीन मंजिला इमारत गिरने से आनन-फानन का माहौल पैदा हो गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दरअसल, घटना मुस्तफाबाद की है जहां रविवार सुबह करीब 5 बजे पीसीआर कॉल के जरिए तीन मंजिला इमारत गिरने की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि जिस बिल्डिंग की छत गिरी उसमें करीब 7 लोग रहते थे जिसमें से एक की मौत हो गई तो वहीं तीन घायल हैं। घटना की सूचना मिलने पर एसएचओ दयालपुर स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य चलाते हुए मलबे में दबे लोगों को निकालने का कार्य शुरू किया गया।
सरकार ने देश की झंडा संहिता में बदलाव किया है जिसके तहत अब तिरंगा दिन और रात दोनों समय फहराये जाने की अनुमति रहेगी। साथ ही अब पॉलिएस्टर और मशीन से बने राष्ट्रीय ध्वज का भी उपयोग किया जा सकता है। ‘आजादी का अमृत महोत्वस’ के तहत सरकार 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम की शुरुआत करने जा रही है जिसके मद्देनजर यह कदम सामने आया है। सभी केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के सचिवों को लिखे एक पत्र में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का प्रदर्शन, फहराना और उपयोग भारतीय झंडा संहिता, 2002 और राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 के तहत आता है। पत्र के मुताबिक, भारतीय झंडा संहिता, 2002 में 20 जुलाई, 2022 के एक आदेश के जरिये संशोधन किया गया है और अब भारतीय झंडा संहिता, 2002 के भाग-दो के पैरा 2.2 के खंड (11) को अब इस तरह पढ़ा जाएगा। जहां झंडा खुले में प्रदर्शित किया जाता है या किसी नागरिक के घर पर प्रदर्शित किया जाता है, इसे दिन-रात फहराया जा सकता है। इससे पहले, तिरंगे को केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक फहराने की अनुमति थी। इसी तरह, झंडा संहिता के एक अन्य प्रावधान में बदलाव करते हुए कहा गया, ‘‘राष्ट्रीय ध्वज हाथ से काता और हाथ से बुना हुआ या मशीन से बना होगा। यह कपास/पॉलिएस्टर/ऊन/ रेशमी खादी से बना होगा।’’ इससे पहले, मशीन से बने और पॉलिएस्टर से बने राष्ट्रीय ध्वज के उपयोग की अनुमति नहीं थी।
भारत में मंकीपॉक्स के पहले मामले की पुष्टि हो गई है। यूएई से केरल लौटे एक व्यक्ति को मंकीपॉक्स के लक्षण दिखने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। व्यक्ति की जांच किए जाने पर मंकीपॉक्स की पुष्टि हुई है। डब्ल्यूएचओ (WHO) के अनुसार 50 देशों से ज्यादा देशों में मंकीपॉक्स के करीब 3,413 से ज्यादा मामले सामने आये हैं और 70 से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। कैसे फैलता है मंकीपॉक्स? मंकीपॉक्स के फैलने को लेकर उन्होंने कहा कि मंकीपॉक्स जानवरों से मनुष्यों में फैलने वाला वायरस है। मंकीपॉक्स स्मॉलपॉक्स की तरह ही एक वायरल इंफेक्शन है जो चूहे और खासकर बंदरों से इंसानों में फैल सकता है। वर्तमान में लगभग 99% मामले एमएसएम में हैं जो पुरुष-पुरुष के साथ यौन संबंध रखते हैं और लगभग 80% मामले यूरोप और फिर अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अन्य में हैं। मंकीपॉक्स मुख्य रूप से बहुत करीबी व्यक्तिगत संपर्क बनाने के माध्यम से फैलता है। कैसे करें मंकीपॉक्स से बचाव? मंकीपॉक्स से बचाव और इसके इलाज को लेकर डॉ. ईश्वर गिलाडा ने कहा कि वर्तमान में मंकीपॉक्स का कोई सटीक इलाज नहीं है। हां, चेचक का टीका उपयोगी हो सकता है क्योंकि यह मंकीपॉक्स को रोक सकता है और मंकीपॉक्स के इलाज के लिए चिकित्सीय एजेंट के रूप में कार्य कर सकता है। इससे बचाव के लिए हमें किसी भी सावधानी बरतनी होगी और मंकीपॉक्स से ग्रसित मरीज के संपर्क में ना आएं। साथ ही इसके फैलने के जो कारण बताए गए हैं वैसा भी ना करें। इसके अलावा संक्रमित व्यक्ति द्वारा इस्तेमाल की गई सभी वस्तुओं से दूर रहकर मंकीपॉक्स से बचा जा सकता है। क्या हैं मंकीपॉक्स के लक्षण? मंकीपॉक्स के लक्षण चेचक के रोगियों में देखे गए लक्षणों के समान होते हैं. इसके शुरुआती लक्षण में पूरे शरीर पर गहरे लाल रंग के दाने, निमोनिया, तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में दर्द, ज्यादा थकान लगना, तेज बुखार आना, ठंड लगना, शरीर में सूजन और एनर्जी की कमी जैसे लक्षण दिखाई देते हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राजधानी के लिए बड़ा एलान किया है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि, दिल्ली में अगले 5 साल में 20 लाख रोजगार दिए जाएंगे। इसी के साथ सीएम ने दिल्ली को फूड हब में बदलने की बात की। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, आज बेरोजगारी एक गंभीर समस्या है। पिछले कुछ सालों में हमारी सरकार ने 12 से 13 लाख युवाओं को रोजगादिलाया है। वहीं इसी क्रम में हम ने तय किया है कि अगले 5 साल में कम से कम 20 लाख लोगों को रोजगार दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि, दिल्ली को फूड कैपिटल ऑफ इंडिया माना जाता है। दुनियाभर का हर किस्म का खाना दिल्ली में मिलता है। कहीं तिब्बतन, कहीं चाइनीज तो कहीं किसी प्रकार का खाना खाने को मिलता है। अब सरकार इन्हें डेवलप करने का प्लान बना रही है जिससे सीधा उद्देश्य रोजगार पैदा करना है।
दिल्ली में पहला मंकीपॉक्स का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी 31 वर्षीय शख्स संक्रमित पाया गया है। शख्स फिलहाल दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती है। दो दिन पहले बुखार और चकते शरीर पर आए जिसके बाद भर्ती किया गया। आधिकारिक सूत्र ने बताया कि संक्रमित शख्स बीते दिनों शख्स हिमाचल प्रदेश से घूमकर लौटा है। हालांकि उसकी कोई विदेश यात्रा की अभी हिस्ट्री सामने नहीं आई है। भारत में अभी तक मंकीपॉक्स के चार मामले सामने आ चुके हैं, इसमें से तीन केरल है। बता दें विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि 70 से अधिक देशों में मंकीपॉक्स का प्रसार एक वैश्विक आपात स्थिति है। सूत्र के मुताबिक, शनिवार को उसके सैंपल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी पुणे भेजे गए थे, जो पॉजीटिव पाए गए। डब्ल्यूएचओ की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 1 जनवरी 2022 से और 22 जून 2022 तक कुल 3413 मंकीपॉक्स के मामलों की पुष्टि हुई है और ये मामले 50 देशों सामने आए है। डब्ल्यूएचओ को मंकीपॉक्स से एक मौत की सूचना मिली है। इनमें से अधिकांश मामले यूरोपीय क्षेत्र (86%) और अमेरिका (11%) से सामने आए हैं।
ईडी ने ममता बनर्जी के मंत्री पार्थ चटर्जी को गिरफ्तार कर लिया है। शिक्षक भर्ती घोटाला मामले को लेकर छापेमारी और पूछताछ के बाद चटर्जी को गिरफ्तार किया गया है। उनके करीबियों से ईडी ने करोड़ों रुपये कैश और सोना बरामद किया है। शुक्रवार 22 जुलाई को ईडी ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के मंत्रियों पर छापेमारी शुरू की थी। जिसके बाद ये छापेमारी अब तक जारी है। पार्थ चटर्जी की करीबी अर्पिता के घर से ईडी ने 20 करोड़ रुपये से ज्यादा बरामद किए थे। ईडी ने अर्पिता को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि पिछले कई घंटों से ममता बनर्जी के मंत्री पार्थ चटर्जी से पूछताछ चल रही थी, इस दौरान ईडी ने उनसे कई सवाल पूछे, जिनका जवाब मंत्री नहीं दे पाए। जिसके बाद अब उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है। इस मामले में कुछ और लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्रियों के खिलाफ हो रही ये पूरी कार्रवाई शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़ी है। ये भर्ती प्रक्रिया साल 2016 में शुरू हुई थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि फर्जी तरीके से भर्ती कराने के लिए ओएमआर शीट में हेरफेर किया गया। इसमें लाखों रुपये घूस लेकर फेल उम्मीदवारों को पास कराया गया। आरोप है कि इस मामले में सीधे शिक्षा मंत्री शामिल थे। बताया जा रहा है कि इसमें कई लोग शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी जल्द हो सकती है।
ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा ने पहली बार वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के जैवलिन थ्रो इवेंट के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने अमेरिका में चल रही इस चैंपियनशिप के ग्रुप राउंड के पहले अटेम्प्ट में ही 88.39 मीटर भाला फेंककर फाइनल की टिकट पक्की कर ली। 24 साल के नीरज का यह तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। फाइनल राउंड भारतीय समयानुसार रविवार सुबह 7.05 पर शुरू होगा। वर्ल्ड चैंपियनशिप के पुरुष जैवलिन थ्रो इवेंट में खिलाड़ियों को दो ग्रुपों में रखा गया था। इन दोनों ग्रुपों से बेस्ट-12 खिलाड़ियों को फाइनल में जगह मिलनी थी। ऑटोमेटिक क्वालीफिकेशन के लिए 83.50 मीटर का पैमाना तय किया गया था। नीरज ने अपने पहले ही अटेम्प्ट में इस मार्क को पार कर फाइनल में एंट्री कर ली। वह ग्रुप-ए में रखे गए थे।
भारतीय खिलाड़ी एल्डोस पॉल ने इतिहास रच दिया है। वह अमेरिका में चल रही वर्ल्ड एथलेक्टिक्स चैंपियनशिप 2022 के ट्रिपल जंप स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गए हैं। ऐसा करने वाले वाले वह पहले भारतीय एथलीट बन गए है। एल्डोस ने ग्रुप राउंड में 16.68 मीटर की छलांग लगाकर फाइनल का टिकट कटाया है। ट्रिपल जंप इवेंट में प्रतिस्पर्थियों को दो ग्रुप में बांटा गया था। दोनों ग्रुपों के टॉप-12 या 17.05 मीटर पार करने वाले खिलाड़ियों को फाइनल में एंट्री मिलनी थी। एल्डोस पॉल ग्रुप ए में रखे गए थे। यहां वह छठे स्थान पर रहे। ओवरऑल वह 12वें यानी आखिरी स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे। इस स्पर्धा का फाइनल रविवार को सुबह 6.50 पर खेला जाएगा। बता दें कि एल्डोस को वीजा मिलने में कुछ दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा था। इस कारण वह अमेरिका पहुंचने में कुछ लेट हो गए थे। हालांकि, उन्होंने अपने प्रदर्शन में इसे नहीं झलकने दिया। वह इस सीजन के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (16.99 मीटर) से कुछ ही पीछे रहे। एल्डोस ने इस साल अप्रैल में हुए फेडरेशन कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। इस स्पर्धा में भारत की ओर से दो और खिलाड़ी भी शामिल थे। हालांकि वह फाइनल में नहीं पहुंच पाए।
भारतीय शेयर बाजार पर आज अच्छे ग्लोबल संकेतों का असर देखा जा रहा है और एशियाई बाजारों के साथ इंडियन स्टॉक मार्केट कदमताल दिखा रहा है। आज सेंसेक्स और निफ्टी अच्छे कारोबारी रुझान के साथ खुले हैं और घरेलू शेयर बाजार शानदार तेजी के साथ खुलने में कामयाब रहा है। ओपनिंग ट्रेड में सेंसेक्स 55800 के ऊपर और निफ्टी 16650 से ऊपर के लेवल पर है। आज ओपनिंग में ही सेंसेक्स 55800 के पार पहुंच गया है। आज का कारोबार ओपन होते समय बीएसई का सेंसेक्स 118.89 अंक यानी 0.21 फीसदी की तेजी के साथ 55,800.84 पर खुला है और एनएसई का निफ्टी 56.00 अंक यानी 0.34 फीसदी की ऊंचाई के साथ 16,661.25 पर खुलने में कामयाब रहा है। आज निफ्टी के 50 में से केवल 3 शेयर ही गिरावट के लाल निशान में हैं और बाकी 47 शेयरों में तेजी के हरे निशान में कारोबार हो रहा है। बैंक निफ्टी की बात करें तो 216.75 अंक यानी 0.60 फीसदी की उछाल के साथ 36417 के लेवल पर कारोबार कर रहा है।
रुपये में आज शुरुआत तो गिरावट के साथ हुई पर इसके बाद ओपनिंग के 1 घंटे के भीतर ही रुपये में 11 पैसे की मजबूती के साथ कारोबार करता देखा गया। रुपये में ये तेजी अच्छा संकेत माना जा सकता है। आज डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे की कमजोरी यानी 79.99 पर खुला है जबकि कल ये 79.96 के लेवल पर बंद हुआ था। रुपये में आई तेजी के पीछे आज शेयर बाजार में देखी जा रही तेजी को कारण माना जा रहा है। विदेशी निवेशकों की बाजार में खरीदारी से रुपये को सपोर्ट मिला है। वहीं ग्लोबल तौर पर कच्चे तेल की गिरावट के चलते भी भारतीय करेंसी आज तेजी के साथ कारोबार कर रही है। आज का कारोबार ओपन होते समय बीएसई का सेंसेक्स 118.89 अंक यानी 0.21 फीसदी की तेजी के साथ 55,800.84 पर खुला है और एनएसई का निफ्टी 56.00 अंक यानी 0.34 फीसदी की ऊंचाई के साथ 16,661.25 पर खुलने में कामयाब रहा है।
देश के कई राज्यों में बाढ़ के हालात हैं। पिछले हफ्ते तक यूपी के लोग बारिश के लिए तरस रहे थे लेकिन अब बारिश हुई तो हाहाकार मच गया। चित्रकूट में गुरुवार को हुई भारी बारिश से सैलाब आ गया है। मूसलाधार बारिश की वजह से परमहंस आश्रम धारकुंडी में पानी का धारा फूट पड़ी। परमहंस आश्रम पहाड़ी के बीच बना हुआ है। ऊपर से पानी की तेज धार सीढ़ियों से होती हुई नीचे की तरफ आई। देखते ही देखते आश्रम का निचला हिस्सा पानी में डूब गया। चित्रकूट में दो दिन से भारी बारिश हो रही है। जिससे आश्रम और उसके आसपास के इलाके जलमग्न हो गए हैं। इसके अलावा यूपी में झांसी लेकर मऊ तक बारिश कहर बरपाने लगी है। यूपी के कई जिलों में कुछ घंटों की बारिश से पूरा शहर पानी पानी हो गया। सड़कें पानी से लबालब भरी हैं। सड़कों के किनारे बनी दुकानों में भी पानी भरने लगा है। आने जाने वाले लोग पानी में फंसे नजर आ रहे हैं। फतेहपुर में सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया जिससे आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
द्रौपदी मुर्मू भारत की 15वीं राष्ट्रपति के तौर पर चुनी गई हैं। उन्होंने विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को मात देकर बड़े अंतर से राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की। मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगीं। हालांकि ये पहले से ही साफ हो चुका था कि मुर्मू ही भारत की अगली राष्ट्रपति होंगीं, क्योंकि उन्हें एनडीए दलों के अलावा कई बाहरी दलों ने भी अपना समर्थन दिया था। वहीं जब चुनाव हुआ तो उनके समर्थन में जमकर क्रॉस वोटिंग भी हुई, जिसका नतीजा ये निकला कि मुर्मू की 64 फीसदी वोट के साथ शानदार जीत हुई। इस तरह हुई मतगणना सबसे पहले संसद भवन में डाले गए वोटों की गिनती की गयी। संसद भवन में कुल 730 वोट डाले गए थे। इन वोटों की गिनती के बाद राज्यों में पड़े मतों की गिनती शुरू हुई। इसके लिए अंग्रेजी वर्णमाला के क्रमानुसार 10 राज्यों की मतपेटियां बारी-बारी से निकाली गयी। 1 लाख 35 हजार गांवों में मनेगा द्रौपदी मुर्मू की जीत का जश्न द्रौपदी मुर्मू जीत का जश्न 1 लाख 35 हजार गावों में मनाया जायगा। इसके लिए बीजेपी ने जश्न की तैयारी पूरी कर ली है। दिल्ली में बीजेपी रोडशो भी निकालेगी। सांसदों को भी यह काम सौंपा गया है कि वे अपने क्षेत्रों में यह बात पहुंचाये कि मोदी सरकार ने आदिवासी चेहरे को सर्वोच्च पद पर पहुंचाया है। 12 राज्यों में 100 फीसदी मतदान हुआ जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, केरल, कर्नाटक, एमपी, मणिपुर, सिक्किम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में राष्ट्रपति चुनाव के लिए 100 फीसदी वोटिंग हुई थी। राष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग संपन्न होने के बाद राज्य सभा के महासचिव पीसी मोदी ने बताया था कि संसद भवन में कुल मतदान 99.18% हुआ था। 25 को शपथ ग्रहण, भाजपा कार्यालय में जश्न की तैयारी राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई की मध्य रात्रि को खत्म हो रहा है। 25 जुलाई को नए राष्ट्रपति का शपथ ग्रहण होगा। पीएम नरेंद्र मोदी कल शाम 5:30 बजे से दिल्ली के होटल अशोका में निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए विदाई रात्रिभोज की मेजबानी करें।
दुनियाभर में कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर से चिंता बढ़ा दी है। भारत में भी कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। देश में एक बार फिर से कोरोना से 21 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 21,880 नए मामले सामने आए। वहीं, 60 लोगों की जान चली गई। कोरोना के एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1 लाख 49 हजार 482 तक पहुंच गई है। इसके अलावा कोरोना से संक्रमित 21 हजार 219 मरीज ठीक भी हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से 60 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,25,930 हो गई। देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,49,482 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.34 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 601 मामलों की बढ़ोतरी हुई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.46 प्रतिशत है। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर, 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून, 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार हो गए थे।
सीबीएसई ने 12वीं के नतीजे घोषित कर दिए हैं। लाखों छात्र पिछले लंबे समय से अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे। सभी छात्र अपना रिजल्ट CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in या फिर results.cbse.nic.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। इस डायरेक्ट लिंक से भी अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। छात्र इन वेबसाइट के जरिए अपना रोल नंबर डालकर आसानी से अपना रिजल्ट देख सकते हैं। सीबीएसई की तरफ से इसके लिए तीन अलग-अलग लिंक दिए गए हैं। लिंक पर क्लिक करते ही आपसे रोल नंबर, स्कूल नंबर और आपका एडमिट कार्ड नंबर मांगा जाएगा। अपनी डीटेल फिल करते ही यहां आपकी पूरी मार्कशीट खुलकर आ जाएगी, नीचे डाउनलोड का विकल्प भी दिखेगा, जहां से आप अपनी मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं।
गुरुवार को बाजार बंद होने पर रुपया एक अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे मजबूत होकर 79.85 पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 1 पैसे गिरकर अब तक के सबसे निचले स्तर 80.06 पर आ गया था। लेकिन बाद में इसकी हालत में सुधार आया। कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी और विदेशी कोष के ताजा प्रवाह के बाद गुरुवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया अब तक के सबसे निचले स्तर 80.06 से 20 पैसे बढ़कर 79.85 पर बंद हुआ। रुपया पिछले कुछ दिनों में कच्चे तेल की कीमतों में आई मजबूती के बाद 80 के आसपास मंडरा रहा है। ब्रेंट 106 अमरीकी डालर प्रति बैरल से ऊपर उठ गया है, जिससे पहले से कमजोर पड़ते जा रहे रुपये पर और दवाब पड़ रहा है। इसके अलावा, बढ़ते चालू खाते के घाटे और व्यापार घाटे का भी निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा।
भारतीय खिलाड़ी अनु रानी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप के जैवलिन थ्रो इवेंट में एक बार फिर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने गुरुवार को ग्रुप-बी के क्वालीफिकेशन राउंड में 59.60 मीटर भाला फेंककर फाइनल में एंट्री की। अब फाइनल में 12 खिलाड़ी एक दूसरे को टक्कर देते नजर आएंगे। क्वालीफिकेशन राउंड में अनु की शुरुआत खराब रही। उन्होंने पहले अटेम्प्ट में फाउल थ्रो किया। दूसरे अटेम्प्ट में उन्होंने 55.35 मीटर भाला फेंक कर वापसी की और फिर आखिरी अटेम्प्ट में 59.60 मीटर की दूरी पर भाला फेंकते हुए ग्रुप-बी में पांचवां स्थान हासिल कर लिया। इस तरह ग्रुप-ए और ग्रुप-बी को मिलाकर वह 8वें पायदान पर रहीं और उन्हें फाइनल का टिकट मिल गया। वर्ल्ड चैंपियनशिप फाइनल्स में अब 12 खिलाड़ियों के बीच टक्कर हैं। ग्रुप-ए और बी के टॉप-12 खिलाड़ियों को फाइनल में जगह मिली है। जिन खिलाड़ियों ने क्वालीफिकेशन राउंड में सीधे 62.50 मीटर की दूरी पर भाला फेंका है, उन्हें सीधे फाइनल की टिकट मिली है। कुल तीन खिलाड़ियों ने इस मार्क के ऊपर भाला फेंककर फाइनल में एंट्री की है।
आज भारतीय रुपये की चाल सुस्त नजर आ रही है और कल के मुकाबले हल्की गिरावट के साथ खुला है। आज रुपया डॉलर के मुकाबले 3 पैसे की गिरावट के साथ 80.02 पर खुला है और कल ये 79.99 के लेवल पर बंद हुआ है। रुपया शुरुआती कारोबार के समय 80.05 प्रति डॉलर के लेवल तक नीचे गया था। वहीं ऊपर के लेवल में 79.99 रुपये तक के स्तर को इसने छुआ था। गिरावट का कारण इंपोर्ट्स की भारी डॉलर मांग और कच्चे तेल की अधिक कीमतों का होना है। इसके अलावा विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि तेल आयातकों की डॉलर मांग, कच्चे तेल की कीमतों में मजबूती तथा बढ़ते व्यापार घाटे को लेकर चिंता से निवेशकों का सेंटीमेंट प्रभावित हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया ज्यादातर समय 80 प्रति डॉलर के ऊपर ही रहा।


















































