आज सोना और चांदी दोनों ही कीमती धातुओं के दाम में जोरदार गिरावट देखी जा रही है और ये कल के मुकाबले बेतहाशा सस्ती मिल रही हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना आज करीब 0.45 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है और चांदी में 0.85 फीसदी की कमजोरी के साथ निचले दाम देखे जा रहे हैं। यहां पर सोने और चांदी के आज के दाम जानकर आप फैसला कर सकते हैं कि गोल्ड या सिल्वर ज्वैलरी खरीदनी है या नहीं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का अगस्त वायदा 223 रुपये की गिरावट के साथ 50,002 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर मिल रहा है। इसके अलावा चांदी का सितंबर वायदा 473 रुपये प्रति किलो की गिरावट के साथ 55,146 रुपये पर मिल रहा है। सोना और चांदी में आज ये गिरावट वैश्विक कीमतों में गिरावट के कारण भी देखी जा रही है।
कोरोना के नए मामलों में फिर इजाफा देखने को मिल रहा है। देश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस के 21 हजार 566 नए मामले सामने आए हैं। जबकि रोजाना की पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 4.25 फीसदी हो गई है। इसके बाद कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1 लाख 48 हजार 881 हो गई है। इससे पहले, राजधानी दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 686 नये मामले सामने आये, जबकि संक्रमण दर 4.74 फीसदी रही। स्वास्थ्य विभाग की ओर से साझा किये गये आंकड़ों में इसकी जानकारी दी गयी है। विभाग की ओर से जारी ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के मामलों की संख्या बढ़ कर 19,45,664 हो गयी है। इसमें कहा गया है कि संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 26,296 पर स्थिर है।
चीन भारत से लगी वास्तिवक नियंत्रण रेखा पर अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। चीन भारत से लगी एलएसी के पास एक नया हाईवे बनाने की योजना बना रहा है। ये हाईवे भारतीय सीमा के पास से होता हुआ जाएगा और जिंगजैंग और तिब्बत को जोड़ेगा। चीन इस हाईवे का निर्माण कर अपनी सामरिक स्थिति को मजबूत और अपनी ताकत में इजाफा करने के उद्देश्य से इस राजमार्ग का निर्माण करने की योजना बना रहा है। इससे पहले गलवान घाटी में चीन के गांवों की सैटेलाइट तस्वीरें सामने आईं थीं। हांगकांग से प्रकाशित होने वाले ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट’ की खबर के अनुसार, तिब्बत की ल्हुंज काउंटी से शिंजियांग क्षेत्र में काशगर स्थित माझा तक जाने वाला यह राजमार्ग नये राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रस्तावित 345 निर्माण योजनाओं में शामिल है. इस योजना का लक्ष्य 2035 तक कुल 4,61,000 किमी लंबा राजमार्ग और मोटरवे निर्मित करना है। दरअसल, चीन बुनियादी ढांचे में निवेश के जरिये अपनी अर्थव्यवस्था में नयी जान फूंकना चाहता है। बता दें कि ल्हुंज काउंटी अरूणाचल प्रदेश का हिस्सा है। वहीं, चीन इसके दक्षिण तिब्बत का हिस्सा होने का दावा करता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले हफ्ते जारी की गई योजना के तहत, जी695 नाम से जाने जा रहे इस राजमार्ग के कोना काउंटी से होकर गुजरने की उम्मीद है-जो एलएसी के ठीक उत्तर में पड़ता है, काम्बा काउंटी की सीमा सिक्किम से लगी हुई है और गयीरोंग काउंटी नेपाल की सीमा के करीब है।
इंटरनेशनल पॉप सिंगर जस्टिन बीबर को अपने बेहतरीन गानों के लिए जाना-जाता है। अब जानकारी आ रही हैं कि स्टार सिंगर अपने विश्व दौरे पर वापस आ गए हैं और जल्द ही भारत में प्रदर्शन करेंगे। स्टार सिंगर ने पहले आंशिक रूप से चेहरे के पैरालिसिस से पीड़ित होने के चलते अपने कई शोज को रद्द कर दिया था, जिससे उनके फैंस को झटका लगा था। अब स्वास्थ होने के बाद जस्टिन बीबर इस साल अक्टूबर में भारत आएंगे और अपनी परफॉर्मेंस देंगे। कनाडाई गायक जस्टिन बीबर जस्टि वर्ल्ड टूर के तहत 18 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपनी प्रस्तुति देंगे। जानकारी के अनुसार कॉन्सर्ट के टिकट इस वक्त लाइव है और इस कार्यक्रम के टिकट की शुरुआत लगभग 4000 रुपए से शुरू है। आपको बता दें, ये दूसरा मौका है जब जस्टिन बीबर भारत आ रहे हैं। इससे पहले वो साल 2017 में अपने पर्पस वर्ल्ड टूर के हिस्से के रूप में इंडिया आए थे, जहां उन्होंने मुंबई में अपनी प्रस्तुति दी थी, लेकिन इस दौरे के बाद सिंगर के फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर उनका काफी विरोध किया था। क्योंकि उन्होंने म्यूजिक कॉन्सर्ट के बाद आगरा के ताजमहल और राजस्थान जाना था, लेकिन वो अपने म्यूजिक कॉन्सर्ट को करने के बाद भारत से चले गए थे।
Citroen C3 Launched: भारत में सिट्रॉन ने अपनी नई सी3 कार की लॉन्च, जानिए क्या है सिट्रॉन सी3 में खास
भारत में सिट्रॉन ने अपनी नई सी3 कार लॉन्च कर दी है। इसे दो ट्रिम्स और दो इंजन विकल्प के साथ भारत में लाया गया है। इसकी शुरुआती कीमत 5.71 लाख रुपये हैं जो कि टॉप मॉडल के लिए 6.63 लाख रुपये तक जाती है। बता दें कि कंपनी ने इसकी बुकिंग पहले ही 21,000 रुपये के साथ शुरू कर दी थी और भारत में यह टाटा पंच और मारुति सुजुकी इग्निस को टक्कर देगी। सिट्रॉन सी3 के डाईमेंशन को देखें तो इसकी लंबाई 3,981mm, चौड़ाई 1,733mm और ऊंचाई 1,586mm के बराबर है। इसके बाहरी लुक में डुअल-टोन अलॉय व्हील्स, चार मोनो-टोन और दो डुअल-टोन शेड्स के साथ हेक्सागोनल एयर डैम, एक्स-शेप फॉक्स स्कफ प्लेट और ऑल-राउंड ब्लैक क्लैडिंग देखने को मिलता है। इसके पहियों पर 15-इंच स्टील व्हील्स को जोड़ा गया है और विकल्प के तौर पर आप 15-इंच वाले डुअल टोन अलॉय व्हील्स मिलते हैं। वहीं, कार के पीछे की तरफ रैपराउंड टेल-लाइट्स को रखा गया है। सिट्रॉन सी3 में ड्राइवर सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा गया है। इसमें हाई-राइडिंग के लिए डुअल एयरबैग, रियर पार्किंग सेंसर और सीटबेल्ट रिमाइंडर मिलते हैं। सिट्रोन सी3 को दो इंजन के साथ लाया गया है। इसमें हाई-स्पेक वाला 1.2 लीटर के टर्बो-पेट्रोल इंजन और कम-स्पेक वाले एस्पिरेटेड 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा। हाई स्पेक इंजन मॉडल 110hp पावर और 190Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, लो-स्पेक मॉडल 82hp की पावर और 115Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। सिट्रॉन सी3 में आपको ऑटोमैटिक गियरबॉक्स देखने को नहीं मिलता है और इसकी जगह 5-स्पीड और 6-स्पीड गियरबॉक्स को शामिल किया गया है।
बदरीनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग से श्रीनगर की ओर नरकोटा के पास निर्माणाधीन पुल के कार्य के दौरान मलबा व सैटरिंग का सामान गिर गया। जिसमें 10 मजदूर दब गए। आठ मजदूरों को मलबे से निकाल कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची है और दबे हुए मजदूरों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। घटना बुधवार सुबह नौ बजे की बताई जा रही है।बता दें कि बदरीनाथ हाईवे पर 40 साल से अधिक समय से भूस्खलन के चलते नासूर बना लामबगड़ भूस्खलन जोन भले ही इस बार शांत हो, लेकिन इससे सटे क्षेत्र में नया भूस्खलन जोन उभर आया है। हल्की वर्षा में यह भूस्खलन जोन कहर बरपा रहा है। इससे यात्रियों सहित आम नागरिकों को खासी परेशानी हो रही है।
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 20, 557 नए केस सामने आए, जिससे कुल मामलों की संख्या बढ़कर 43, 803,619 हो गई है। वहीं सक्रिय मामलों की बात करें तो उनकी कुल संख्या 145, 654 है। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 18,517 लोग ठीक हुए हैं। अब तक कुल 43,132,140 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। डेली पोजिटिविटी रेट 4.13% है जबकि वीकली पोजिटिविटी रेट 4.64% है। रिकवरी रेट 98.47% है। वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना से 40 लोगों की मौत हुई है। कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 525, 825 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 26,04,797 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ। देश में अब तक कुल 2,00,61,24,684 वैक्सीनेशन हुआ है। हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कोविड-19 के 616 नए मामले सामने आए है। वहीं, कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में इजाफे के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर में तीन जिलों में मास्क को अनिवार्य किया गया है। हिमाचल प्रदेश में अधिकारियों ने बताया कि नए मामलों के साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,91,086 हो गई है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक संक्रमण के कारण कुल 4,129 मरीज़ों की मौत हो चुकी है।
सोना अपने ऑलटाइम हाई से 5000 रुपये से ज्यादा सस्ता होकर मिल रहा है। इस महीने के सबसे निचले स्तर पर सोना ट्रेड कर रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना अपने एक महीने के निचले स्तर पर कारोबार कर रहा है और आज इसका रेट देखे तो अगस्त डिलीवरी के लिए ये 50,353 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा चांदी का सितंबर डिलीवरी 55,809 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रहा है। इस तरह सोना अपने सबसे उच्चतम स्तर से 5047 रुपये सस्ता है। दिल्ली में सोने के दाम देखें तो आज 22 कैरेट शुद्धता वाला सोना 100 रुपये महंगा होकर 46400 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर मिल रहा है। वहीं 24 कैरेट शुद्धता वाला सोना 110 रुपये की तेजी के साथ 50620 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर कारोबार कर रहा है। मुंबई के जवेरी बाजार में आज सोने का दाम देखें तो 22 कैरेट सोने का दाम 46310 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर मिल रहा है। वहीं 24 कैरेट सोने के दाम 50520 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर मिल रहे हैं। सोना अगस्त 2020 में अपने ऑलटाइम हाई लेवल 55400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चला गया था।
रुपये की चाल आज सपाट नजर आ रही है और ये डॉलर के मुकाबले 79.93 रुपये प्रति डॉलर पर खुला है। कल डॉलर के मुकाबले रुपया 79.92 के लेवल पर बंद हुआ था। माना जा रहा है कि रिजर्व बैंक के ‘हस्तक्षेप’ से भी रुपये में सुधार आया है। कल के कारोबार में रुपया कारोबार के दौरान 80.05 रुपये प्रति डॉलर के अबतक के सबसे निचले स्तर तक चला गया था लेकिन बाद में घरेलू शेयर बाजार और क्षेत्रीय मुद्राओं में तेजी के साथ यह सुधरकर बंद हुआ। कल अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 80.00 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान यह 80.05 के अबतक के सबसे निचले स्तर तक पहुंच गया। बाद में रुपये में थोड़ा सुधार आया और यह अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले छह पैसे की तेजी के साथ 79.92 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। दुनिया की छह प्रमुख करेंसी के सामने डॉलर की मजबूती को आंकने वाला डॉलर इंडेक्स 0.66 फीसदी घटकर 106.66 अंक रह गया है। इसके अलावा वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.40 फीसदी घटकर 105.84 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।
झारखंड की राजधानी रांची में महिला दरोगा की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह मामला जिले के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू का है। जहां वाहन चेकिंग के दौरान 2018 बैच की दरोगा संध्या टोपनो को पशुओं से लदा पिकअप वैन के चालक ने कुचल दिया। जिससे दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार सुबह 3:00 बजे के आसपास हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक गौतस्कर सिमडेगा से तस्करपशुओं से लदी पिकअप वैन लेकर ने भागना शुरू किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने इसकी सूचना कामडारा पुलिस को दी। पुलिस ने वहां बैरियर लगाया लेकिन चालक उसे तोड़कर भागा। फिर तोरपा पुलिस ने बैरियर लगाया तो वहां पर भी आरोपी तोड़कर भाग गया। उसके बाद सूचना खूंटी पुलिस को दी गई। खूंटी पुलिस ने रात में नाका पर चेकिंग लगाया वहां से चकमा देकरदूसरे रास्ते से रांची की ओर भागा। उसके बाद सिमडेगा पुलिस ने सूचना रांची पुलिस को दी। रांची पुलिस ने खूंटी रांची सीमा के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के हुलहुन्दू के पास चेकिंग लगाया। इसी बीच करीब 3 बजे बड़ी तेजी से एक सफेद रंग का पिकअप वैन आते दिखा। चेकिंग पोस्ट पर सब-इंस्पेक्टर संध्या टोपनो दलबल के साथ थी। गाड़ी को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने गाड़ी महिला दरोगा के उप्पर चढ़ाकर दिया और भागने लगा। दरोगा की मौके पर मौत हो गई। वहीं गाड़ी चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद गश्ती दल ने पीछा किया लेकिन तेज रफ्तार में रिंग रोड की ओर से भागने लगा। इसी दौरान पिकअप वैन रिंग रोड में पलट गईं। बताया गया कि गाड़ी से कई तस्कर कूदकर भाग गए हैं। चालक पुलिस की गिरफ्त में है, इसके अलावा अन्य की तलाश जारी है।
सिंगापुर ओपन में भारत की बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने धमाल मचा दिया है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने सेमीफाइनल में जापान की गैर वरीय साइना कावाकामी को सीधे सेटों में हराया। बता दें कि फाइनल के लिए पीवी सिंधु और साइना कावाकामी के बीच सेमीफाइनल हुआ, जो सिंधु ने 21-15, 21-7 के अंतर से आसानी से जीत लिया। जापानी स्टार कावाकामी एक भी बार सिंधु पर भारी पड़ती नजर नहीं आईं खिताबी मुकाबले में पीवी सिंधु की सीधी टक्कर जापान की आया ओहोरी या चीन की जी यी वांग से होगा। जापान की आया ओहोरी ने क्वार्टरफाइनल में भारतीय स्टार साइन नेहवाल को ही शिकस्त दी थी। साइना नेहवाल को जापान की आया ओहोरी ने 21-13, 15-21, 22-20 से हराया। ओहोरी को खिताबी मुकाबले में सिंधु से भिड़ने के लिए अब जी यी वांग को हराना होगा।
आम आदमी पहले से ही महंगाई से परेशान है। अब 18 जुलाई से लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगने वाला है। 28 - 29 जून को जीएसटी काउंसिल की बैठक में लिए फैसले 18 जुलाई से लागू होने जा रहा है जिसके चलते महंगाई के और बढ़ने की संभावना है। जीएसटी काउंसिल ने आम आदमी के इस्तेमाल वाली कई चीजों पर टैक्स रेट बढ़ाने का फैसला किया तो कई सामानों मिल रहे जीएसटी छूट को खत्म करने का फैसला किया है। तो कुछ सामान ऐसे भी हैं जिसपर जीएटी की दरों में इजाफा करने का फैसला लिया गया है। ये फैसले 18 जुलाई से लागू हो जायेंगे। डिब्बा या पैकेट बंद और लेबल युक्त (फ्रोजन को छोड़कर) मछली, दही, पनीर, लस्सी, शहद, सूखा मखाना, सूखा सोयाबीन, मटर जैसे उत्पाद, गेहूं और अन्य अनाज तथा मुरमुरे पर अब पांच प्रतिशत जीएसटी लगेगा। आपको बता दें अब तक इन वस्तुओं को जीएसटी से छूट मिली हुई थी। टेट्रा पैक और बैंक की तरफ से चेक जारी करने की सेवा पर 18 फीसदी जीएसटी चुकाना होगा। वहीं अब बाहर घूमने जाना भी महंगा हो जाएगा। दरअसल पहले 1,000 रुपये से कम के किराये वाले कमरे पर जीएसटी नहीं लगता था। लेकिन 18 जुलाई, 2022 से 1,000 रुपये प्रतिदिन से कम किराये वाले होटल कमरों पर 12 फीसदी जीएसटी देना होगा। इसके साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिये आईसीयू को छोड़कर 5,000 रुपये से अधिक किराये वाले कमरों पर पांच फीसदी जीएसटी देना होगा। यानि निजी अस्पतालों में इलाज महंगा होने जा रहा है। बच्चों की पढ़ाई लिखाई से जुड़ी चीजें अब महंगी हो जाएगी। जीएसटी काउंसिल ने प्रिंटिंग-ड्राइंग इंक, पेंसिल शार्पनर, एलईडी लैंप, ड्राइंग और मार्किंग करने वाले प्रोडक्ट्स, चाकू, कागज काटने वाला चाकू पर भी जीएसटी रेट बढ़ाने का निर्णय लिया है।इन वस्तुओं पर 18 फीसदी जीएसटी देना होगा।
सोने के रेट में लगातार दूसरे सप्ताह गिरावट दर्ज की गई है। इस दौरान गोल्ड का रेट प्रति 10 ग्राम 51 हजार रुपये से नीचे बंद हुआ। भारतीय सर्राफा बाजार में इस सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को सोने का रेट 50,386 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। इस सप्ताह के शुरुआती दिन सोमवार को गोल्ड का रेट 50, 924 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो इस हफ्ते की सबसे ऊंची कीमत थी। इसके बाद पूरे सप्ताह सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
भारत में कई राज्यों में कोरोना के मामलों में इजाफा देखा जा रहा है। इस बीच हिमाचल प्रदेश में भी कोरोना वायरस के आंकड़े एक बार फिर डराने लगे हैं। यहां भी कोविड-19 के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 438 पॉजिटिव मामले सामने आये हैं, जबकि संक्रिमित 2 मरीजों की मौत हुई है, जिसके बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4128 तक पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मामले बढ़कर 2043 तक पहुंच गए हैं। जून महीने की शुरुआत में एक वक़्त ऐसा भी था जब हिमाचल में एक्टिव मामले घटकर महज 42 रह गए थे। हिमाचल प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले कांगड़ा में 481 और चंबा में 408 दर्ज किए गए है। इसके अलावा शिमला में 265, मंडी में 204, सिरमौर 142, कुल्लू में 132 केस सामने आए हैं। इसके साथ ही हमीरपुर में 116, सोलन में 106, बिलासपुर 79, ऊना में 50, किन्नौर 42 जबकि लाहौल स्पीति में 18 एक्टिव मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 3660 नमूने जांच के लिए गए हैं, जिनमें से 438 पॉजिटिव पाए गए। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी प्रदेश में लगातार बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर की है। सीएम ने ये भी कहा कि भले ही कोविड-19 के मामलों में वृद्धि हो रही है, लेकिन अस्पताल में दाख़िल होने का आंकड़ा बहुत कम है। सरकार लगातार इस पर नज़र रखे हुए है। कैबिनेट में भी इसको लेकर चर्चा हुई है। बढ़ते मामलों के बीच ढिलाई नहीं बरती जा सकती। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करने की दिशा में काम किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के लिए राहत की बात ये है कि राज्य दोनों वैक्सीन लगाने वाला पहला राज्य है। यहां अधिकतर लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। जबकि करीब 5 लाख लोगों को बूस्टर डोज़ भी लगाई जा चुकी है। अब 18 जुलाई से प्रिकॉशन डोज़ निशुल्क कर दी गई है, ऐसे में हिमाचल इसकी तैयारियों में जुट गया है।
भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। प्रमुख शहरों में जलजमाव के कारण सड़क संपर्क बाधित हो गया है। भूस्खलन बिजली गिरने आदि की घटनाओं ने कई लोगों की जान ले ली है। महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश के कारण अब तक 102 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में पिछले कुछ दिनों में लगभग सभी हिस्सों में भारी बारिश हुई है। इससे बाढ़ और जलजमाव की स्तिथि देखने मिल रही है। जिले जैसे की गढ़चिरौली, भंडारा, पालघर, चंद्रपुर, गोंदिया, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, मुंबई और पुणे में भारी बारिश हुई है। महाराष्ट्र में 1 जून से बारिश से संबंधित घटनाओं में मरने वालों की संख्या 102 तक पहुंच गई है। भारी बारिश के कारण केवल इंसान नहीं जानवरों को भी अपनी जान गंवानी पड़ी है। अब तक बारिश के कारण 183 जानवरों की मौत हो चुकी है। हालांकि खतरों से भरे इलाकों में राज्य में 14 एनडीआरएफ और 5 एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई है। राज्य में 73 रिलीफ कैंप भी स्थापित किए गए हैं। अब तक भारी बारिश के कारण 44 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं लेकिन भारी बारिश के साथ बचाव कार्य भी शुरू है। इसीलिए अब तक 11836 लोगों को बचाया गया है।
खराब मौसम और बादल फटने के बाद आज से बालटाल और पहलगाम दोनों तरफ से पूरी यात्रा फिर से शुरू हो गई है। अमरनाथ यात्रियों का नया जत्था शुक्रवार को पहलगाम पहुंचा। श्राइन बोर्ड ने कहा है कि शुक्रवार को दिन में मौसम स्थिर हो गया है, आज सुबह से बालटाल और पहलगाम दोनों तरफ से पूरी यात्रा फिर से शुरू हो गई। शुक्रवार को दोपहर से शाम तक 10 हजार से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए और अब तक 1.7 लाख से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं। जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से 16वां जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। इसमें 5461 अमरनाथ यात्री शामिल थे। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में 220 वाहनों में यात्री बम बम भोले के जयकारों के साथ रवाना हुए. वहीं, करनाल के एक श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हो गई. पहलगाम मार्ग के लिए रवाना हुए 3486 यात्रियों में 2806 पुरुष, 563 महिलाएं, 16 बच्चे, 89 साधु और 11 साध्वी शामिल थीं। वहीं बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुए 1975 श्रद्धालुओं में 1348 पुरुष, 603 महिलाएं, 24 बच्चे शामिल थे।
भारत में कोरोना मामलों की रफ्तार कम होने का नाम नहीं ले रही है। एक बार फिर देश में 20 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 20,044 नए कोविड मामले सामने आए हैं, वहीं 56 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इसके बाद कोरोना के कुल एक्टिव मामलों की संख्या 1,40,760 तक पहुंच चुकी है। कोरोना के ताजा डेटा के मुताबिक पिछले 24 घंटे में 18,301 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। वहीं अगर डेली पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो वो फिलहाल 4.80% है। देश में अब तक कुल 4,30,63,651 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है।
देश में महंगाई को लेकर चल रहे विरोध के क्रम में एक कड़ी और जुड़ गई है। अनब्रांडेड प्री-पैकेज्ड और प्री लेबल आटा, दाल, दही, गुड समेत विभिन्न खाद्य उत्पादों पर 18 जुलाई से लगने वाले 5 फीसदी जीएसटी के विरोध में आज देशभर की 7300 कृषि उपज मंडियां, 13,000 दाल मिलें, 9,600 चावल मिलें, 8,000 आटा मिलें और 30 लाख छोटी चक्कियां बंद रखने की घोषणा की गई है। भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की कार्यकारिणी की बैठक में यह फैसला किया गया है कि कारोबार बंद में करीब तीन करोड़ खुदरा व्यवसायी भी शामिल होंगे। अगर केंद्र सरकार GST वापस नहीं लेगी तो आंदोलन तेज किया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन बाबूलाल गुप्ता ने बताया कि अनब्रांडेड खाद्य उत्पादों को जीएसटी के दायरे में लाना जीएसटी की मूल भावना के विपरीत है।
नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रवर्तन निदेशालय के समन के खिलाफ पार्टी विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। ये विरोध प्रदर्शन केंद्र सरकार के खिलाफ 21 जुलाई को होने जा रहा है। बता दें कि सोनिया गांधी को नेशनल हेराल्ड केस में ईडी ने पूछताछ के लिए समन भेजा था ईडी की ओर से इस मामले में राहुल गांधी को भी नोटिस भेजा गया था। राहुल गांधी ईडी के कार्यकाल में 30 घंटे से अधिक बिता चुके हैं, यहां उनसे ईडी ने नेशनल हेराल्ड केस से जुड़े कई अलग-अलग सवाल पूछे गए। बुधवार को पार्टी की ओर से काफी अहम बैठक बुलाई गई जिसमें इस मामले पर चर्चा की गई। इसके अलावा आज गुरुवार को भी एक बैठक बुलाई गई है जिसमें सभी सचिव, प्रदेश प्रभारी, पीसीसी चीफ को बुलाया गया है। इस बैठक में भारत जोड़ो यात्रा और संगठन के कार्यक्रम पर चर्चा होगी। बैठक में पार्टी के शीर्ष नेता शामिल होंगे और इस दौरान विरोध यात्रा और जनता तक पहुंचने के अन्य कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। गौर करने वाली बात है कि 18 जुलाई से संसद का मानसून सत्र शुरू हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस सांसद सदन के भीतर भी विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।
देश में कोरोना वायरस के मामले एक बार फिर से बढ़ने लगे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के 20 हजार 139 नए केस सामने आए हैं। वहीं इस दौरान 38 लोगों की मौत हुई है। बीते कुछ दिनों से देश में कोरोना के रफ्तार में एक बार फिर से तेज नजर आ रही है। वहीं बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार देश में 16906 कोरोना के नए मामले सामने आए थे। वहीं आज जारी किए कल के मुकाबले आज 3233 मामलों का इजाफा हुआ है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते दिन 16 हजार 482 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं। वहीं अब देश में कल के आंकड़े के बाद एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 1 लाख 36 हजार 76 हो गई है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, संक्रमण की दैनक दर 5.10 प्रतिशत है और साप्ताहिक दर 4.37 प्रतिशत है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना वायरस महामारी से पीड़ित होकर ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 4,30,28,356 हो गई है. देश में इस समय कोरोना महामारी से रिकवरी रेट 98.49 फीसदी है।
देश के कई राज्य इन दिनों बाढ़ और भूस्खलन की मार झेल रहे हैं. महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और कर्नाटक में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन ने राज्यों में बुरा हाल कर रखा है। कई हिस्सों में हुई भारी बारिश के बाद आई बाढ़ आफत बनी हुई है। महाराष्ट्र, गुजरात , मध्य प्रदेश और कर्नाटक में बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। बाढ़ से अब तक 270 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालात को देखते हुए ठाणे में 12वीं तक सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। महाराष्ट्र में बाढ़ और बारिश से अब तक 89 लोगों की मौत हो गई है, गुजरात में 83 लोगों की मौत हो चुकी है। नवसारी में स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए है। राहत और बचाव का काम जारी है। मध्य प्रदेश में आसमानी आफत कहर बनकर टूटी है। छिंदवाड़ा से लेकर हरदा तक बुरा हाल है। एमपी के पांच जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
पल्लकेले में अपनी तीन मैचों की वनडे सीरीज के पूरा होने के बाद मंगलवार को जारी नई आईसीसी महिला प्लेयर रैंकिंग में कप्तान चमारी अट्टापट्टू और हरमनप्रीत कौर ने बढ़त हासिल की है। भारत ने 50 ओवरों की प्रमुख श्रृंखला के दौरान 3-0 से श्रृंखला स्वीप दर्ज की, यह श्रीलंका की कप्तान अट्टापट्टू थीं, जिन्होंने बल्लेबाजों के लिए शीर्ष 10 की सूची में अपनी जगह बनाई। अट्टापट्टू ने पिछले हफ्ते सीरीज के अंतिम मैच में 44 रनों की तेज पारी खेली और इसने 32 वर्षीय प्रतिभाशाली खिलाड़ी को करियर की सर्वश्रेष्ठ आठवें स्थान पर पहुंचने में मदद मिली। दूसरी ओर, भारत की कप्तान हरमनप्रीत 75 रन की पारी की वजह से एक स्थान ऊपर चढ़कर 13वें स्थान पर पहुंच गईं, जिससे उन्हें 12 रेटिंग अंक हासिल करने में मदद मिली। कौर ने सीरीज में 119 रन और तीन विकेट लिए, जिससे उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज से नवाजा गया। साथ ही वह गेंदबाजों में आठ पायदानों की बढ़त के साथ 71वें स्थान पर और ऑलराउंडरों में चार स्थान की छलांग से 20वें स्थान पर पहुंच गई है।
भारत निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रपति चुनाव 2022 के मद्देनजर दिल्लीऔर केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी समेत राज्य विधानसभा सचिवालयों को नामित मतपेटियों, मतपत्रों और अन्य चुनाव सामग्री का वितरण शुरू कर दिया है। 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होना है। वहीं, राष्ट्रपति चुनाव की समयसीमा को पूरा करने के लिए मिस्टर बैलेट बॉक्स के नाम से एक हवाई टिकट बुक किया गया है। दरअसल, इस पूरी प्रक्रिया में मिस्टर बैलेट बॉक्स का सबसे अहम रोल होता है। वहीं, ECI ने राज्यों को मतपेटीी, मतपत्र समेत चुनाव सामग्री भेजना शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, 14 जुलाई तक इसे सभी राज्यों समेत केंद्र शासित प्रदेशों को भेज दिया जाएगा। आज यानी बुधवार को कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी समेत रिटर्निंग अधिकारी को मतपेटियां सौंपी गई हैं।
महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत कई दूसरे राज्यों में भारी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। इन राज्यों में बाढ़ और बारिश की वजह से अब तक 218 लोगों की मौत हो चुकी है। महाराष्ट्र में अकेले बाढ़ की वजह से अब तक 84 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के 6 जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ड जारी किया है। नागपुर से लेकर नासिक तक हाहाकार मचा है। महाराष्ट्र में आसमानी आफत कहर बनकर टूटी है। बारिश के आगे हर कोई बेबस और लाचार नजर आ रहा है। नासिक और नागपुर में सबसे ज्यादा बर्बादी और तबाही देखने को मिल रही है। नदियां उफान पर हैं। नदी किनारे बने घर और मंदिर सबकुछ डूब गए हैं।
भारत और इंग्लैंड के बीच 12 जुलाई को तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच लंदन के 'दी ओवल' क्रिकेट स्टेडियम में शाम 5.30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम इस मुकाबले में टी20 सीरीज की अपनी लय बरकरार रखना चाहेगी। वहीं इंग्लैंड की कोशिश टी20 सीरीज में मिली हार की भरपाई करने पर होगी। भारत और इंग्लैंड के बीच हुए वनडे मुकाबलों में टीम इंडिया का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। दोनों के बीच अब तक हुए 103 वनडे मुकाबलों में भारत ने 55 मैच जीते हैं, वहीं इंग्लैंड के हिस्से 43 जीत आई है। 2 मुकाबले टाई रहे हैं और तीन में कोई नतीजा नहीं निकला है। हालांकि इस बार दोनों ही टीमें बराबरी की टक्कर वाली नजर आ रही हैं। भारत के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाले वाली इंग्लैंड की टीम जो रूट, बेन स्टोक्स और जॉनी बेयरस्टो की वापसी से थोड़ी संतुलित नजर आ रही है। हालांकि गेंदबाजी में वह भारतीय टीम के मुकाबले कमजोर ही दिखाई दे रही है।
केरल के कन्नूर जिले के पय्यानुर में आरएसएस कार्यालय पर बम फेंका गया है। पय्यान्नूर पुलिस के मुताबिक, यह घटना आज सुबह पेश आई है। बम हमले में इमारत की खिड़की के शीशे टूट गए। गौरतलब है कि पय्यान्नूर में आरएसएस कार्यालय पर हमले की यह पहली वारदात नहीं है। इससे पहले भी साल 2017, जुलाई में आरएसएस कार्यालय में तोड़फोड़ और आगजनी की वारदात हुई थी। तब माकपा कार्यकर्ताओं पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगा था। फिलहाल बम हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
शेयर बाजार में आज गिरावट के साथ कारोबार हो रहा है और सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में खुले हैं। ग्लोबल संकेत आज ज्यादा मजबूत नहीं हैं और इसका असर भारतीय बाजार पर भी देखा जा रहा है। एशियाई बाजारों में भी मिलाजुला कारोबार देखा जा रहा है। आज के कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 175.45 अंक यानी 0.32 फीसदी की गिरावट के साथ 54,219.78 पर खुला है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 89.80 अंक यानी 0.55 फीसदी की गिरावट के साथ 16,126.20 पर जाकर खुला है। एनएसई के निफ्टी के 50 शेयरों में से 15 शेयरों में ही तेजी के साथ कारोबार देखा जा रहा है. वहीं 35 शेयरों में गिरावट देखी जा रही है।
पहलगाम (Pahalgam) के बाद आज बालटाल के रास्ते भी अमरनाथ यात्रा (Amarnath Yatra) शुरू हो सकती है। 8 जुलाई को पवित्र गुफा के पास बादल फटने के बाद बाढ़ आई गई थी। हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 41 लोगों का अब भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रेस्क्यू टीम तीन दिनों से हादसे वाले इलाके को खंगाल रही है। शुक्रवार यानि 8 जुलाई को आई तबाही के बाद यात्रा रोक दी गई थी। अब श्रद्धालुओं के लिए पहलगाम का रास्ता खोल दिया गया है। बाबा के भक्त पहलगाम और बालटाल के जरिए अमरनाथ गुफा तक पहुंचते हैं। फिलहाल एहतियातन बालटाल को बंद रखा गया है।
देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से तबाही मचते दिख रही है। गुजरात से लेकर महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कर्नाटक में मौसम विभाग ने आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, इन तमाम राज्यों में बाढ़ और भारी बारिश के चलते 150 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। महाराष्ट्र का हाल सबसे बुरा देखने को मिला है। ताजा जानकारी के मुताबिक, राज्य में अब तक 83 लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के 6 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया हुआ है। महाराष्ट्र में 1 जून से लेकर अब तक भारी बारिश के चलेत 83 लोगों की मौत हुई तो वहीं 64 लोग घायल हो गए हैं। राज्य में बाढ़, भूस्खलन, इमारत गिरने, घर गिरने, समुद्र में डूबने, पानी में डूबने, बिजली गिरने और शॉर्ट सर्किट की घटनाएं देखने को मिली है। इसके अलावा, बारिश के चलते 164 जानवरों की भी मौत हो चुकी है। जानकारी के मुताबिक, रेस्क्यू टीम ने 5873 लोगों को बचाया जा चुका है यानी उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। गुजरात में भी तबाही मचते दिखी है। राज्य में बाढ़ के चलते अब तक 63 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, अगले 4 दिन गुजरात यानी कि 16 जुलाई तक भारी बारिश के पूरे आसार है। जामनगर, कच्छ, मोरबी, नर्मदा, नवासारी, सूरत गुजरात के अलग-अलग जिलों में हालात लगभग एक जैसे ही हैं। भारी बारिश की वजह से गुजरात के तापी का डोसवाड़ा डैम ओवर फ्लो होने लगा है जिसके चलते पानी का पानी आसपास के गांवों को डुबोने लगा है जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लिहाजा प्रशासन ने आसपास के 12 गांवों के पानी भरने का खतरा मंडरा रहा है। वहीं मध्य प्रदेश के रायसेन का बारना डैम भारी बारिश के चलते ओवर फ्लो करने लगा है। सोमवार को डैम के 6 गेट खोल दिए गए जिससे आसपास के इलाके पानी में डूब गए। डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से नेशनल हाइवे 145 पर बना पुल पानी में डूब गया है।
भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 13 हज़ार 615 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,36,52,944 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1 लाख 31,43 पर पहुंच गई। सोमवार को सामने आए नए मामलों के मुकाबले आज के मामले कम हैं। बीते दिन 16 हजार 678 मामले दर्ज हुए थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, भारत में संक्रमण से 20 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,25,474 हो गई. देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 1,31,043 हो गई है, जो कुल मामलों का 0.30 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 330 की बढ़ोतरी हुई है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.50 प्रतिशत है।
भारत से चुराई गई 1200 साल पुरानी योगिनी की मूर्ति 40 साल बाद लंदन से वापस लाई गई है। फिलहाल बकरी के सिर वाली इस खास मूर्ति को पुराना किला स्थित संग्रहालय को सौंप दिया गया है। इस मूर्ति को चित्रकूट के लौरी ग्राम पंचायत के लोखरी गांव के 64 योगिनी मंदिर में स्थािपत किया जाए या इसे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को सौंप दिया जाए इस बात का फैसला बाद में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय द्वारा किया जाएगा। हांलाकि इस बात की संभावनाए अधिक जताई जा रही है कि इस मूर्ति को उसी मंदिर को फिर से सौंप दिया जाए, जहां से इसे चुराया गया था। आपको बता दें कि 10वीं शताब्दी की बकरी के सिर वाली इस मूर्ति को लगभग 40 साल पहले चित्रकूट से चुराया गया था। करीब 6 महीने पहले इस मूर्ति को भारत लाने की कवायद शुरू हुई थी। बलुआ पत्थर की बनी यह मूर्ति कई मामलों में खास है। यह पहली मूर्ति है जिसमें योगिनी का सिर बकरी का है।
गुजरात, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश से आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात के कई इलाके इन दिनों बारिश के पानी में डूबे हुए हैं। वलसाड का हाल देख कर समझ ही नहीं आ रहा है कि शहर में पानी है यहां फिर पानी में शहर। तो वहीं, उत्तराखंड में लैंडस्लाइड के चलते कई रास्ते बंद हो गए हैं। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी इलाकों तक भारी बारिश और उफनती नदियों से गांव से लेकर शहरों में बाढ़ के हालात पैदा हो रहे हैं। लगातार बारिश के चलते अहमदाबाद की सोसोइटियों के बेसमेंट का हाल बुरा हो चुका है। बेसमेंट में दरिया जैसा मंजर दिखने को मिल रहा है। बेसमेंट में खड़ी गाड़ियां और दो पहिय वाहन बारिश के पानी में डूब चुके हैं। गुजरात में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हो रही है। अब तक हुई भारी बारिश की वजह से 61 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 272 जानवरों की भी जान गई है। उत्तराखंड और हिमाचल के कई जिलों में बारिश ने कहर बरपा रखा है। भारी बारिश और लैंडस्लाइड के चलते मलबा सड़कों पर आ गया है। वहीं महाराष्ट्र के भी कई जिलों में बारिश के लिए अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन दिनों में महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के कई जिलों में भारी बारिश के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अमेरिकी बाजारों की गिरावट का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी देखा जा रहा है और ये टूटकर कारोबार कर रहे हैं। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार किसी सपोर्ट को नहीं ले पा रहा है। आईटी सेक्टर आज बड़ी गिरावट के साथ बना हुए है और इसी का असर सेंसेक्स-निफ्टी के कारोबार पर देखा जा रहा है। पांचों आईटी लार्जकैप आज टॉप लूजर्स के तौर पर कारोबार कर रहे हैं। आज के शुरुआती ट्रेड में बीएसई का सेंसेक्स 233.24 अंक यानी 0.43 फीसदी की गिरावट के साथ 54,248 पर खुला है और एनएसई का निफ्टी 84.45 अंक यानी 0.52 फीसदी की कमजोरी के साथ 16,136 पर ट्रेड कर रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना से जुड़े मामले में विजय माल्या को 4 महीने की सजा सुनाई है। कोर्ट ने इस मामले में विजय माल्या को 2 हजार रुपये का भी जुर्माना चुकाने का आदेश दिया। साथ ही ये भी कहा कि अगर जुर्माना नहीं चुकाया गया तो 2 महीने की अतिरिक्त सजा होगी। इसके अलावा सख्त रूप से विजय माल्या को ये भी आदेश दिए गए कि विदेश में ट्रांसफर किए 40 मिलियल डॉलर 4 हफ्ते में चुकाए जाएं। जानकारी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में 3 जज़ों की बेंच ने ये फैसला सुनाया है। बता दें कि माल्या ने न सिर्फ विदेशी खातों में पैसे ट्रांसफर करने को लेकर कोर्ट को गलत जानकारी दी, बल्कि पिछले 5 साल से कोर्ट में पेश न होकर अवमानना को और आगे बढ़ाया है। माल्या को साल 2017 में ही सुप्रीम कोर्ट ने अपनी अवमानना का दोषी करार दिया था।
स्पेन में चल रहे महिला हॉकी वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का सफर सोमवार को खत्म हो गया। यहां एक अहम मुकाबले में भारतीय टीम को मेजबान स्पेन के हाथों रोमांचक शिकस्त मिली। स्पेन ने फुल-टाइम से ठीक 3 मिनट पहले गोल कर भारत की सभी उम्मीदों को खत्म कर दिया। इससे पहले भारतीय टीम पूल-बी में हुए अपने तीनों मुकाबलों में भी कोई जीत दर्ज नहीं कर पाई थी। भारतीय टीम के दो मैच ड्रॉ रहे थे बाकि एक मुकाबले में उसे हार मिली थी। स्पेन के खिलाफ क्रॉस ओवर मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत में दमदार खेल दिखाया। दोनों टीमों के बीच तीन क्वार्टर तक बराबरी की टक्कर देखनें को मिली, लेकिन चौथे क्वार्टर में स्पेन के के हमले तेज हो गए। स्पेन के फॉरवर्ड लगातार भारतीय रक्षा पंक्ति को भेद रहे थे, हालांकि ये हमले गोल में तब्दील नहीं हो पा रहे थे। मैच में जब 3 मिनट का खेल बाकी था, तब भारतीय रक्षापंक्ति बिखर गई और स्पेन ने गोल कर दिया। यह गोल निर्णायक साबित हुआ और भारत 1-0 से हार गया। गौरतलब है कि भारत के लिए ये वर्ल्ड कप बेहद ही खराब साबित हुआ है। टीम को चार में से एक भी मुकाबले में जीत नसीब नहीं हुई। पूली बी के मुकाबलों में इंग्लैंड और चीन ने भारत के साथ 1-1 से मुकाबले ड्रॉ खेले। वहीं न्यूजीलैंड ने 4-3 और स्पेन ने 1-0 से भारतीय टीम को मात दी।
भारत को नॉटिंघम में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में 17 रनों से हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया के लिए इस मैच में सूर्यकुमार यादव ने तूफानी शतक जड़ा। हालांकि इसके बावजूद भारतीय टीम नहीं जीत सकी। लेकिन टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया है। इंग्लैंड ने आखिरी मैच में भारत को 216 रनों का लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में भारतीय टीम 198 रन ही बना सकी।
इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में सूर्याकुमार यादव ने 117 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद इसके दूसरे बल्लेबाजों की ओर से साथ नहीं मिलने के चलते इंडिया ने यह मुकाबला 17 रन से गंवा दिया। टीम इंडिया की हार के बाद पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने खराब फॉर्म में चल रहे बल्लेबाजों पर निशाना साधा है। सहवाग का कहना है कि अच्छा परफॉर्म करने वाले बल्लेबाजों को बाहर बैठना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ''इंडिया के पास बहुत सारे ऐसे बल्लेबाज हैं जो पारी की शुरुआत से ही बड़े शॉट लगा सकते हैं। उनमें से कुछ को बाहर बैठना पड़ रहा है।" वहीं टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज वेंटकेश प्रसाद ने भी विराट कोहली को हमला बोला है। प्रसाद ने कहा कि जब सौरव, सहवाग, जहीर, युवराज और भज्जी जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया जा सकता है तो विराट कोहली को क्यों नहीं।
दुनियाभर में 11 जुलाई को हर साल विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। पहले इस दिन जनसंख्या के साथ-साथ इंसान के विकास और प्रगति को सेलिब्रेट किया जाता था। लेकिन अब केवल लोगों को बढ़ती जनसंख्या नियंत्रण और बढ़ती जनसंख्या की खामियां बताते हुए जागरूक किया जाता है। इस बार की वर्ल्ड पॉपुलेशन डे थीम भी इसी पर रखी गई है। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, इस साल विश्व की आबादी करीब 8 अरब हो गई है। पिछले साल यह साढ़े सात अरब से अधिक थी। इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस की थीम '8 अरब लोगों की दुनिया: सभी के लिए लचीला भविष्य, अवसर, अधिकार और विकल्प सुनिश्चित करना' है। इस थीम से स्पष्ट हो रहा है कि दुनिया की आबादी आठ अरब के चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है, लेकिन यह अधिकारों व अवसर की समानता दूर है। इस दिन पूरी दुनिया में जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए तरह-तरह से उपायों से लोगों को परिचित कराया जाता है। इसके अलावा परिवार नियोजन के मुद्दे पर भी बातचीत की जाती है। इस दिन जगह-जगह जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम होते हैं और उन कार्यक्रमों के जरिये लोगों को जागरूक करने की कोशिश की जाती है, ताकि बढ़ती जनसंख्या पर लगाम लगाई जा सके।
देश के पूर्वोत्तर राज्यों में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात बने हुए हैं। कुछ राज्यों के कई इलाकों में भूस्खलन की वजह से कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। फिलहाल पूर्वोत्तर राज्यों में असम इन दिनों बाढ़ और भूस्खलन से सबसे ज्यादा प्रभावित है। असम में इस साल अब तक बाढ़ और भूस्खलन से मरने वालों की संख्या बढ़कर 192 हो गई है। असम के कुल 12 जिलों में अभी भी तकरीबन 5.39 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बताया जा रहा है कि असम के हैलाकांडी जिले में पिछले 24 घंटों में बाढ़ के कारण पानी में डूबने से दो लोगों की मौत हो गई। जिसके कारण अब इस साल असम में बाढ़ के कारण मरने वाले की संख्या 173 और भूस्खलन की वजह से मारे गए लोगों की संख्या 19 हो गई है।
देश के अधिकतर हिस्सों में बारिश देखने को मिल रही है। हालांकि, दिल्ली समेत उत्तर भारत के राज्यों में बारिश कुछ खास स्तर पर नहीं दिखी है और लोग लगातार गर्मी से जूझ रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, आज से इन राज्यों में भी बारिश देखने को मिलेगी। दिल्ली में आज से मौसम में बदलाव दिखेगा और अगले कुछ दिन दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज से पूरे हफ्ते बारिश हो सकती है। तापमान भी ठीक बना रहेगा। अधिकतम तापमान 36-37 तक जा सकता है तो वहीं न्यूनतम तापमान 28 तक देखने को मिलेगा। वहीं, इस दौरान बादल भी छाए रहेंगे। आज की बात करें तो सोमवार दिल्ली में बारिश के पूरे अनुमान बने हुए हैं। बिजली भी कड़कते हुए दिख सकती है साथ ही बादल भी छाए रहेंगे। इसके साथ ही पूरे उत्तर भारत का भी मौसम बदलते दिखेगा। उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश होते दिखेगी। जम्मू कश्मीर में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूरा अनुमान बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के मौसम पर नजर डालें तो लखनऊ से लेकर आगर, अलीगढ़, गौतमबुध नगर, वाराणसी, बरेली समेत अन्य जिलों के लोगों को गर्मी से राहत मिलते दिखेगी। इस पूरे हफ्ते बादल भी छाए रहेंगे और कई हिस्सों में बारिश देखने को मिलेगी।
मणिकरण घाटी के चोज में बुधवार सुबह बाढ़ आने से काफी नुकसान हुआ है। इस दौरान 4 लोग लापता हुए हैं, जिनकी तलाश जारी है। मकान, रेस्टोरेंट, ढाबे और गेस्ट हाउस भी बाढ़ की भेंट चढ़े हैं, जिससे करोड़ों के नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। वहीं आज हिमाचल प्रदेश के जल शक्ति, राजस्व, बागवानी एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर जिला कुल्लू में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित लोगों से बात चेतत की। उन्होंने प्रभावितों को सरकार की ओर से हर सम्भव सहायता करने का आश्वासन दिया। सतत ही उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के दिशा-निर्देश जारी किये। मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड के जवान मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। जबकि मलाना के पास बाढ़ आने से एक महिला की मौत हुई है। जहां प्रोजेक्ट के कार्यालय के साथ-साथ काफी शेड बह गए हैं। लिहाजा भारी नुकसान को देखते हुए जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर क्षेत्र का जायजा लेने के लिए यहां पहुंचे हैं।
राजधानी शिमला के ढली में भूस्खलन का क्रम जारी है। बीते बुधवार को भूस्खलन की चपेट में आने से एक बच्ची की जान चली गयी और दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। वहीं आज भी शिमला के ढली में एक बार फिर लैंड स्लाइड हुआ है, जिसके नीचे एक कार दबकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार में लैंड स्लाइड के वक्त कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इस लैंड स्लाइड से वहां पर एक मकान भी खतरे की जद में आ गया है। जानकारी के मुतबिक ढली में एचआरटीसी वर्कशॉप के पास भूस्खलन के कारण गाड़ी नंबर HP 14 D-0661 मलबा के नीचे दब गई, जिससे गाड़ी को काफी नुकसान हुआ है। गाड़ी को सड़क किनारे पर पार्क किया गया था। हालांकि, पुलिस के जवानो ने मौके पर पहुंच कर ट्रैफिक को सुचारू कर दिया।
हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला शहर के टूटीकंडी स्कूल से एक छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। स्कूल की टीचर ने पुलिस को तस्वीर देकर छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस छात्रा की खोजबीन में जुट गई है। हाई स्कूल टूटीकंडी की टीचर ललिता शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा बिना कोई जानकारी दिए स्कूल से कहीं चली गई है। बीते बुधवार को 3:15 बजे लापता हुई छात्रा की हर संभावित जगह पर तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पाया। लड़की की उम्र लगभग 14 साल है। शिकायत पर थाना बालूगंज पुलिस ने धारा 363 के तहत मामला दर्ज किया है। बालूगंज थाना के जांच अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने लड़की की तलाश के लिए एक जांच टीम गठित कर दी है। ऐसे में संभावित स्थानों के अलावा जिले के पुलिस थानों में भी इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस का दावा है कि लड़की को जल्द से जल्द ट्रेस कर लिया जाएगा। इसके अलावा स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से भी इस संबंध में पूछताछ की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से चंद महीनों पहले कांग्रेस कमेटी ने शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष पद की कमान अतुल शर्मा को सौंपी है। वीरवार को हिमाचल कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में अतुल शर्मा ने पद व गोपनीयता की शपथ लेकर कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान उन्होंने अपने केंद्र नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। अतुल शर्मा ने कहा कि मौजूदा वक्त में हर वर्ग बीजेपी सरकार से त्रस्त है। उन्होंने मौजूदा बीजेपी सरकार को किसान, बागवान और युवा विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी बड़े-बड़े सपने दिखाकर सत्ता पर काबिज हुई थी, लेकिन आज जनता के सामने सरकार की वास्तविकता आ गई है। इस दौरान कांग्रेस शिमला ग्रामीण अध्यक्ष अतुल शर्मा ने हर हाल में कांग्रेस की सत्ता वापसी का भी दावा किया। अतुल शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का जिला शिमला से विशेष लगाव था। कांग्रेस पार्टी सत्ता में वापस आकर वीरभद्र मॉडल को लागू कर प्रदेश भर में विकास करने का काम करेगी। उन्होंने मौजूदा बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सिर्फ सिराज और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों को छोड़ दिया जाए, तो सरकार की ओर से पूरे प्रदेश की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का सारा बजट इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में ही खर्च किया जा रहा है। वहीं, सेब सीजन से पहले कार्टन के दाम बढ़ने को लेकर भी अतुल शर्मा ने प्रदेश सरकार को आढ़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि शिमला सेब बहुल क्षेत्र है और प्रदेश सरकार मनमाने ढंग से काटन के दामों में बढ़ोतरी कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्टन सप्लाई का टेंडर सिर्फ एक कंपनी को सौंप दिया गया है, जिसकी वजह से खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कार्टन के दाम बढ़ने की वजह से प्रदेश का बागवान परेशान है। अतुल शर्मा ने कहा कि आज प्रदेश भर में सड़कों की हालत भी खस्ता है और सेब सीजन शुरू होने के बावजूद अब तक भट्टाकुफर मंडी को शुरू नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि बागवान सरकार के इस रवैया से बेहद परेशान हैं।
हिमाचल में भी नशे का कारोबार बढ़ने लगा है। नशे के मकड़जाल को खत्म करने के लिए जहां पुलिस मेहनत कर रही है वहीं नशा माफिया बेखौफ अपना कारोबार कर रहे है। हैरत करने वाली बात यह है कि नशे के कारोबार में युवा ही नहीं बल्कि महिलाएं भी संलिप्त है। आज राजधानी शिमला पुलिस ने डाउनडेल में एक महिला के घर पर दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला काफी समय से नशे की तस्करी में संलिप्त है। पुलिस ने सूचना के मुताबिक घर में दबिश दी और तलाशी ली। तलाशी के दौरान महिला के घर से करीबन 2.59 लाख रुपए कैश बरामद किया गया। पुलिस ने जब महिला से इतनी रकम कहाँ से आई इस बारे पूछा तो महिला ने जवाब दिया " यह रुपए मेरे नहीं पडोसी का है।" प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनीता देवी नशे के कारोबार में संलिप्त है। गुप्त सूचना पर पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा था। जहां से पुलिस ने 2,59,600 रुपए कैश बरामद किया। सुनीता ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि है यह कैश उसके पड़ोसी का है। पुलिस ने कैश को अपने कब्जे में ले लिया है और महिला की बैंक डिटेल खंगाल रही है। पुलिस को शक है कि जो कैश इस महिला के घर से बरामद हुआ है, उसका कनेक्शन नशे के कारोबार से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब इस कैश को इनकम टैक्स विभाग को सौंपेगी। महिला से फिलहाल पूछताछ चल रही है। बता दें कि डाउनडेल अपराध बस्ती के नाम से जानी जाती है। शुरू में कुछ लोग शराब की तस्करी करते थे लेकिन, धीरे-धीरे चोरियां और बाद में अन्य अपराध शुरू किए। इस छोटी सी बस्ती के लोगों पर करीब एक सौ केस दर्ज हैं। इनमें से कई चोरियों से संबंधित हैं, जबकि 50 के करीब मामले शराब तस्करी के हैं। करीब 15 केस एनडीपीएस के और कुछ अन्य आपराधिक केस इन पर दर्ज हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान वीरवार को डॉक्टर गुरप्रीत कौर के साथ परिणय सूत्र में बंधे। 12 बजे करीब दोनों शादी के बंधन में बंध गये। दिल्ली के सीएम केजरीवाल परिवार समेत शादी में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने ही शादी में पिता की रस्में अदा कीं। शादी में सीमित मेहमानों को बुलाया गया था, शादी का कार्यक्रम सीएम आवास पर ही रखा गया था। बता दें कि 32 साल की गुरप्रीत कौर भगवंत मान (उम्र 48) से 16 साल छोटी हैं। दोनों की मुलाकात करीब चार साल पहले हुई थी। भगवंत मान की यह दूसरी शादी है। पहली पत्नी से उन्होंने 2015 में तलाक लिया था। इसी क्रम में कनाडाई दूतावास के कौंसुल जनरल पैट्रिक हेबर्ट ने सीएम को बधाई दी। गुरप्रीत कौर पेशे से एक डॉक्टर हैं। हाल ही में भगवंत मान की शादी की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। जिसमें भगवंत और गुरप्रीत शादी की रस्में निभाते हुए नजर आ रहे हैं।
बढ़ती महंगाई के बीच आम जनता को एक और झटका लगा है। गैस कंपनियों ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये से ज्यादा का इजाफा हुआ है। नए दाम बुधवार से प्रभावी है। पांच किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। पांच किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 18 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 8.50 रुपये की कमी आई है। कुछ दिनों पहले ही तेल वितरण कंपनियों की ओर से कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में इजाफा किया गया था। इसके बाद अब घरेलू सिलेंडरों की कीमतों में भी बढ़ोतरी कर दी गई है। वहीं हिमाचल में भी घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम बाढ़ कर 945. 50 रूपए हो गए है। 5 किलो घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 334 रूपए हो गई है।
मानसून के दस्तक देते ही हिमाचल प्रदेश में तबाही के कई मंजर सामने आने लगे है। बुधवार को जिला कुल्लू के मणिकर्ण में बादल फटने से तीन कैंप साइट तबाह हो गई और बताया जा रहा है कि चार लोग इस हादसे का शिकार हो गए। उधर कुल्लू के मलाणा में एक महिला के बाढ़ की चपेट में आकर बहने की सुचना है। इस महिला का वीडियो भी सामने आया है। बादल फटने के बाद मणिकर्ण के चोज में पार्वती नदी में बाढ़ गई, जिसके चलते खासा नुकसान हुआ है। बाढ़ में बही महिला समेत कुल पांच लोग लापता बताये जा रहे है, जिनकी तलाश जारी है। जिला प्रशासन कुल्लू ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के जिला कुल्लू के मणिकर्ण में चोज नाले में बादल फट गया। इस हादसे में एक कैपिंग साइट तबाह हो गई है। हादसे के बाद से चार लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनकी पहचान मंडी के सुंदरनगर निवासी रोहित, राजस्थान के पुष्कर निवासी कपिल, धर्मशाला निवासी राहुल चौधरी और बंजार निवासी अर्जुन के तौर पर हुई है। हादसे में चोज को जोड़ने वाला पुल भी बह गया है। उधर मलाणा गांव के पास मलाणा पावर प्रोजेक्ट की एडिट 1 (टनल) के समीप नाला में एक स्थानीय महिला शाजी देवी (उम्र 34 वर्ष ) पत्नी सिंगाराम निवासी साराबेहड़ मलाणा जिला कुल्लू के पानी में बहने की सूचना है। इसके अतिरिक्त 10 से 12 घोड़े व लोगों की गाड़ियों के बहने की खबर भी सामने आई है। मणिकरण के एक गेस्ट हाउस में मलबा आने से 6 कमरे क्षतिगस्त हो गए। कई कैफे व एक होम स्टे भी बाढ़ की चपेट में आ गए है। एक मछली फार्म व चार गायों सहित एक गौशाला के बहने की भी खबर है। कई ढाबे व कई स्थानीय लोगों के मकान भी क्षतिग्रस्त हुए है। कई जगहों पर सड़क के बंद होने से पर्यटक व आम लोग फंसे हुए है। पूरी पार्वती घाटी में अफरा-तफरी का माहौल है।
जिला किन्नौर में सुबह से हो रही लगातार बारिश के बाद ठंगी नाले मे बाढ आ गई। हालांकि अभी तक इस घटना में जानमाल के नुकसान की सुचना प्राप्त नहीं हुई है। वही जिला किन्नौर के निचार खण्ड में भारी बारिश का दौर जारी है तो कल्पा व पूह खण्ड में रुक रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश के चलते जिले के कई नालों में पानी का जल स्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। किन्नौर में बहने वाली सतलुज नदी का जल स्तर भी बढ़ा हुआ है। गौरतलब है कि किन्नौर में बरसात के दौरान भुसखलन, नदी नालो मे बाढ़, चट्टानों के खिसकने के मामले भी लगातार सामने आते है। वही दूसरी ओर मौसम विभाग ने भी आज जिला किन्नौर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक द्वारा स्थानीय लोगों व पर्यटकों से आह्वान किया गया है कि अनावश्यक यात्रा ना करे व जिले में 8 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है।
कुल्लू के साथ लगते बबेली स्थित ब्यास नदी में एक कार गिर गई है। हादसे में दो युवक लापता हो गए हैं, जबकि कार का चालक गंभीर रूप से घायल है। हादसा मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे पेश आया है। कार मंडी से मनाली की तरफ जा रही थी। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इसके लिए आईटीबीपी की टीम बुलाई गई है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


















































