हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली, सोलंगनाला, फातरू, कोठी, गुलाबा, पलचान तथा जलोड़ी दर्रा में इस सर्दी की पहली बर्फबारी हुई है। शिमला के कुफरी और नारकंडा में भी सीजन का पहला हिमपात हुआ है। कुल्लू जिले के कई इलाकों में हुई ताजा बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई बस रूट प्रभावित हुए हैं। जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में बर्फबारी से सड़क मार्ग बंद हो गए हैं। सफेद चांदी से लकदक हुए घाटी के स्नो प्वाइंटों से चार माह से सुस्त चल रहे कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबार को गति मिलेगी। बर्फबारी से शिमला, कुफरी और नारकंडा में सैलानियों की आमद में भारी इजाफा होने की उम्मीद है। सिरमौर जिले के चूड़धार में भी ताजा हिमपात हुआ है। निचले इलाकों में बारिश हो रही है। जनजातीय जिला किन्नौर और आउटर सिराज के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी का क्रम जारी है। Himachal Pradesh News
धीरे धीरे प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावो की गर्मी बढ़ती दिखाई दे रही है। अर्की विधानसभा का उपचुनाव आप सभी लोगों के सहयोग से जीत लिया, अब 2022 का मुख्य चुनाव भी आप लोगों के सहयोग से भारी मतों से जीतेंगे यह बातें आज ब्लॉक कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप ने पंचायत कांग्रेस कमेटी दाड़लाघाट, बरायली व रौडी के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि जैसे इस उपचुनाव में कार्यकर्ताओं ने कार्य किया वैसा ही कार्य खूब मेहनत के साथ 2022 में करें।उन्होंने कहा कि 2022 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।इस अवसर पर उन्होंने तीनों पंचायतों में पंचायत कांग्रेस कमेटी का भी गठन किया।जिसमें दाड़लाघाट पंचायत से मनोज गौतम, रौडी से प्रेम केशव व बरायली पंचायत से कमलेश गौतम को प्रधान बनाया गया।बाकी कार्यकारिणी बनाने के लिए इन प्रधानों को अधिकृत किया। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत कांग्रेस के प्रधानों को बधाई दी। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता लाला शंकर दास, मोहन सिंह ठाकुर, जगदीश ठाकुर, राजेश गुप्ता, सुरेंद्र ठाकुर, राजेश शर्मा, प्यारेलाल, बाबूराम, मनशा राम, अमरदेव, जसवंत सोनी, जयसिंह, सोहनलाल, उमेश, ललित, जयदेव, सत्यप्रकाश, दीपक, पवन, विक्रम व तीनो पंचायतों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। Darlaghat Solan News
देश में 50 प्रतिशत से अधिक आबादी के पूर्ण टीकाकरण किए जाने को कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण पड़ाव करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि इस गति को बनाए रखना अहम है। साथ ही बचाव के सभी उपायों का पालन करते रहना भी जरूरी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने रविवार को बताया था कि देश में 50 प्रतिशत से अधिक पात्र वयस्क आबादी का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है। मोदी ने मांडिवया के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा कि भारत के टीकाकरण अभियान ने एक और अहम पड़ाव पार किया है। कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने के लिए इस गति को बरकरार रखना महत्वपूर्ण है। India Corona Vaccine News Update
अग्रवाल सभा सोलन (Solan) की एक महत्वपूर्ण बैठक वैद्य रमेश बिंदल कीअध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस बैठक में दिनेश गर्ग को सर्वसम्मति से सभा का नया प्रधान व सतीश बंसल को वरिष्ठ उपप्रधान चुना गया। इससे पहले सभा के निवर्तमान प्रधान माया राम गर्ग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। इसके पश्चात बैठक में मौजूद सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से सभा के नये प्रधान का चुनाव किया गया । सभा के नव निर्वाचित प्रधान दिनेश गर्ग व वरिष्ठ उपप्रधान सतीश बंसल ने सभा की कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। सभा का मुख्य संरक्षक सर्वश्री विनोद गुप्ता, रमेश बिंदल, पवन गुप्ता, रमेश बंसल, विक्रम अग्रवाल, अमरनाथ बंसल, रमेश सिंगला, मायाराम गर्ग,सांवल मल व राधेश्याम गोयल को बनाया गया है जबकि रविन्द्र गुप्ता को सलाहकार बनाया गया है। सुशील बंसल व राम अवतार को उप प्रधान, राकेश अग्रवाल को महासचिव, राजीव गुप्ता को कोषाध्यक्ष, भूपेन्द्र बंसल व सुनील कुमार को सचिव, राहुल गोयल व राकेश अग्रवाल को संयुक्त सचिव बनाया गया है। इसके अलावा पवन गोयल, राजन अग्रवाल, मनोज गुप्ता, टिक्का राम, पवन गर्ग, भीष्म गर्ग, नरेश गर्ग, मदन गुप्ता, अश्विनी सिंगला व मनीष अग्रवाल को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। Solan News
उत्तर प्रदेश के मथुरा में अखिल भारत हिंदू महासभा जैसे कुछ संगठनों ने आज शाही ईदगाह मस्जिद में जलाभिषेक करने का एलान किया था। लेकिन अब जलाभिषेक को दिल्ली शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि इस जानकारी के बाद मथुरा में प्रशासन ने 144 धारा लगा दी है। मथुरा के शाही ईदगाह मस्जिद और उसके आस पास सुरक्षाकर्मियों का कड़ा पहरा लगा दिया गया है। मस्जिद और उसके आस पास उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी के जवान और आरएएफ के जवान तैनात किए गए हैं। कल अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री चौधरी ने जलाभिषेक का प्रोग्राम मथुरा की जगह आज 12 बजे दिल्ली के जंतर मंतर पर करने की घोषण की थी। मस्जिद की तरफ जाने वाले हर शख्स का पहले पहचान पत्र चेक किया जा रहा है, फिर उसकी बकायदा तलाशी ली जा रही है। उसके बाद ही मस्जिद की तरफ जाने दिया जा रहा है। मथुरा पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रख रही है। एसएसपी मथुरा के मुताबिक अब तक सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने पर 4 अलग अलग एफआइआर दर्ज हो चुकी है। आज श्री कृष्ण जन्म भूमि स्थान और शाही ईदगाह मस्जिद परिसर के आस पास गाड़ियों की आवा जाहि बाधित रहेगी, बकायदा इसके लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। मथुरा पुलिस प्रसाशन के अनुसार सोशल मीडिया और अलग अलग जगहों से जानकारी मिली थी कि कुछ संगठन 6 दिसंबर और इसके आस पास की तारीखों में यहां कुछ यात्रा वगैरह निकालने की तैयारी कर रहे हैं। प्रशासन से इसकी कोई इजाजत नहीं ली गई थी और प्रशासन से इजाजत मांगी जाती तो भी ऐसी किसी यात्रा वगैरह की इजाजत हम देते नहीं। मथुरा एसएसपी ने बताया कि हमने ईदगाह मस्जिद के आस पास लोकल हमारी पुलिस बल उसके अलावा दूसरे जिलों से भी पुलिस बुलाई है, उसे तैनात किया है. आरएएफ और पीएसी के जवान भारी तादात में तैनात किए हैं। Mathura Uttar Pradesh News
सोने और चांदी के दाम में आज ज्यादा घटत-बढ़त नहीं देखी जा रही है। सोने के दाम में सुबह ट्रेड खुलने के बाद लगभग स्थिर कारोबार हो रहा है और चांदी भी मामूली तेजी के साथ कारोबार कर रही है। सोने के दाम में आज जो मामूली गिरावट आई है उसके पीछे डॉलर की बढ़ती कीमत को कारण माना जा सकता है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का फरवरी वायदा 0.02 फीसदी नीचे यानी 47,895 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है। चांदी के दाम मार्च वायदा पर 0.10 फीसदी की तेजी के साथ 61,575 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से देखे जा रहे हैं। सुबह बुलियन मार्केट खुलने के बाद फरवरी वायदा पर सोना 27 रुपये या 0.6 फीसदी की गिरावट के साथ एमसीएक्स पर 47,953 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ था। वहीं चांदी में मार्च वायदा पर 68 रुपये या 0.11 फीसदी की तेजी के बाद 61,606 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बने हुए थे। स्पॉट गोल्ड में 1782.95 डॉलर प्रति औंस के रेट हैं जबकि यूएस गोल्ड फ्यूचर्स में सपाट कारोबार देखा गया और ये 1783.60 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहे हैं। | Gold Silver Prices India
भारत और रूस की दशकों पुरानी दोस्ती को और मजबूत करने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज दिल्ली आ रहे हैं। कोरोना संकट की वजह से पुतिन का ये भारत दौरा बेहद छोटा यानी महज कुछ घंटों का रखा गया है, लेकिन इसका असर ना सिर्फ दोनों देशों के सबंधों पर होगा बल्कि इससे चीन और पाकिस्तान जैसे भारत के पड़ोसी देशों को भी बड़ा संदेश जाएगा। रूसी राष्ट्रपति पुतिन दोपहर बाद दिल्ली पहुंचेंगे और महज़ 6-7 घण्टे के लिए भारत में होंगे। इस दौरान दोनों मुल्कों के बीच कई स्तर पर बातचीत होगी। पहले दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच टू प्लस टू वार्ता होगी और इसके बाद शाम 5.30 बजे दिल्ली के हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 21वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सुरक्षा कारणों की वजह से राष्ट्रपति पुतिन के भारत पहुंचने के समय का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन अनुमान के मुताबिक रूसी राष्ट्रपति दोपहर दो बजे भारत पहुंचेंगे और रात 9.30 बजे अपने वतन वापस लौट जाएंगे। Russian President Putin will come to India today, will meet PM Narendra Modi
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) 18 दिसंबर को गंगा एक्सप्रेस वे का शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री इस एक्सप्रेस-वे के साथ कई अन्य सौगात भी दे सकते हैं। वहीं, इस मौके पर शहीद संग्रहालय समेत अन्य कार्यों का भी लोकार्पण किया जा सकता है। मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबा छह लेन का गंगा एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार का दावा है कि गंगा एक्सप्रेस-वे देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे होगा। जानकारी के मुताबिक यूपीडा ने पूरे प्रोजेक्ट को 12 पैकेज और 4 ग्रुप में बांटा है। वहीं, एक ग्रुप में तीन पैकेज को शामिल किया गया है।
सड़कें ऐसा घाव हैं जिसकी टीस हर समय उठती है।आए दिन अनेक दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के दावे में सरकार कितनी सच्ची है ,इस बात की कहानी शालाघाट-दाड़लाघाट से भराडीघाट तक नेशनल हाईवे की सड़कें खुद-ब-खुद बताती हैं। हकीकत यह है कि यहां की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। यही हाल नेशनल हाईवे-205 हिमफेड खाद डिपू स्यार के समीप सड़क का है। सड़क की खस्ता हालत के चलते वाहन चालक परेशान है। यही नहीं जगह-जगह पड़े गड्ढों से हादसे की भी आशंका बनी हुई है। इस सड़क पर उद्योग होने से भारी-भरकम वाहनों का आना जाना लगा रहता है। इससे सड़क जल्द क्षतिग्रस्त हो जाती है।सड़क पर जगह-जगह पड़े गड्ढों से वाहन चालकों को तो क्या पैदल चलने वाले भीदिक्कत झेलनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी जगदीश ठाकुर,अनिल गुप्ता, प्रेम केशव, विनोद कंवर,सुरेंद्र वर्मा, नीरज कपिला, सुमन गौतम, प्रदीप, रवि, जयदेव, कमल कौंडल, जियालाल, राजेश, मनोज गौतम, दीपक गजपति, जय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र ठाकुर, सुमन गुप्ता, किशोरी, पवन, कमलेश सहित अन्य लोगों ने बताया कि शालाघाट से लेकर दसेरन लिंक रोड़,भराडीघाट,चमाकडीपुल, दाड़लामोड़, छामला, स्यार, धमोग, चंदेल सर्विस स्टेशन सहित दाड़लाघाट बाजार सड़क की हालत बदतर हो गई है।सबसे ज्यादा मुश्किल सड़क में चलने वाले लोगों को हो रही है।इसके अलावा राहगीरों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सड़क खराब होने के कारण हिमफेड खाद डिपू स्यार के समीप सड़क सहित अन्य मार्गों की मरम्मत निर्माण कार्य कुछ समय पूर्व किया गया था पर कुछ समय मे ही मरम्मत निर्माण गड्ढों में तब्दील हो गई। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इन गड्ढों को ठीक करवाया जाए या तो पंचिंग दोबारा से की जाए। आपको बता दें जब इस बारे प्रोजेक्ट डायरेक्टर सुरेश शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आज ही वहां पर सड़क की स्थिति को देखने के लिए लेबर भेज दी है एक हफ्ते के अंदर इस सड़क को ठीक कर दिया जाएगा। Darlaghat Solan News
देश में पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में मौसम करवट लेते दिख रहा है जिसका कारण पश्चिम विक्षोभ माना जा रहा है। बीते दिन बादल छाए रहे तो कई जगह ठंड रही। मौसम विभाग का मानना है कि अगले 24 घंटे में दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। साथ ही इस हफ्ते से तापमान में लगातार कमी दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में हवा में नमी का स्तर 54 से 95 देखने को मिला जिसके चलते लोगों को कोहरे का सामना करना पड़ा। वहीं, विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। विभाग का कहना है कि हफ्ते के अंत तक तापमान में भारी गिरावट देखी जा सकती है और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बीते दिन कई इलाको में हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं, मसूरी में ओलावृष्टि भी देखने को मिली जिसके चलते तापमान में गिरावट दर्ज हुई। विभाग का मानना है कि अगले 24 घंटों में भी ठंड का अहसास हो सकता है। India Weather News Update
देश में बीते दिन ओमिक्रोन (Omicron) के 17 मामले दर्ज हुए, जिसके बाद अब कुल संख्या 21 हो गई है। रविवार को दर्ज 17 मामलों में 9 राजस्थान की राजधानी जयपुर से, 7 महाराष्ट्र के पुणे से और एक मामला दिल्ली में दर्ज हुआ है। राजस्थान के चिकित्सा सचिव वैभव गालरिया ने बताया कि संक्रमित लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग से नौ लोगों के कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। वहीं, महाराष्ट्र के स्वास्थ्य अधिकारी ने पुणे जिले में सात लोगों के ओमिक्रोन से संक्रमित होने की पुष्टि की है। India News
देश में जानलेवा कोरोना वायरस का प्रकोप बरकरार है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 8 हजार 306 नए केस सामने आए हैं। वहीं, 211 लोगों की मौत हो गई। देश में अबतक कोरोना के ओमिक्रोन वेरिएंट के 21 मामले सामने आ चुके है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब एक्टिव मामलों की संख्या 98 हजार 416 है। वहीं, इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4 लाख 73 हजार 537 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक, कल 8834 रिकवरी हुईं, जिसके बाद अभी तक 3 करोड़ 40 लाख 69 हजार 608 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। बता दें कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोरोना वायरस रोधी टीकों की 127 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। कल 24 लाख 55 हजार 911 डोज़ दी गईं, जिसके बाद अबतक वैक्सीन की 127 करोड़ 93 लाख 9 हजार 669 डोज़ दी जा चुकी हैं। #India #Corona #Update #News
एचपीएसबील पेंशनर्ज वेलफेयर एसोसिएशन कुनिहार उप इकाई की मासिक बैठक सभा के वित्त सचिव रूपेंद्र कौशल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक मे इकाई अध्यक्ष रतन तनवर ने सदस्यों को इकाई तथा प्रदेशिक स्तर पर सभा की गतिविधियों के बारे विस्तारपूर्वक जानकारी दी। बैठक में सभी उपस्थित सदस्यों ने बोर्ड प्रबन्धको से 1 जनवरी 2016 से दिया जाने वाला संशोधित वेतनमान व पेंशन स्केल अतिशीघ्र जारी करने का आग्रह किया क्योंकि प्रदेश सरकार इसे पहले ही जारी कर चुकी है। बैठक में सदस्यों ने पेंशनरों को भी विद्युत भत्ता और एल टी सी देने मांग की। इसके साथ ही प्रबंधक वर्ग से फील्ड स्टाफ जल्द भरने का आग्रह किया क्योंकि उनके बगैर लोगो की समस्याओं का समय पर निराकरण नही हो रहा है जिसकी वजह से बोर्ड की जनता में बदनामी हो रही है। Kunihar solan News
इंदौरा वन विश्राम गृह में घरेलू गैस सिलिंडर बाटने पहुँची विधायक रीता धीमान के कार्यक्रम में इंदौरा की पँचायत बकराड़वा रानी देवी (कांग्रेस समर्थित) को विधायक रीता धीमान व मण्डल अध्यक्ष बलवान सिंह ने मंच पर प्रधान के गले मे भाजपा पार्टी का हार पहनाया ओर कांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल होने पर भाजपा मंडल के पदाधिकारियों ओर प्रधान का जोर शोर से स्वागत किया गया जिसके बाद भाजपा इंदौरा ने सोशल मीडिया पर कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने की जानकारी लॉगो को मिली | प्रधान ने मामले में वाहवाही लूटनी चाही लेकिन ठीक कुछ घण्टो बाद ही प्रधान रानी देवी ने भाजपा मंडल पर जबरन गले मे हार पहनाकर भाजपा में शामिल करने की अफवाह का विरोध कर डाला और बाकायदा वीडियो जारी कर भाजपा मंडल पर धोखे से हार पहनाने का आरोप भी जड़ डाला। वही कार्यक्रम में पहुँची बकराड़वा पँचायत की प्रधान ने अपने गांव पहुँच पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि विधायक के कार्यक्रम में मुझे धोखे से गले मे माला पहनाई गई और भाजपा ने सोची समझी साजिश के तहत मुझे भाजपा पार्टी में शमील करने का ड्रामा रच दिया जिसका व पुरजोर से विरोध करती है उन्होंने कहा कि व शुरू से कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़ी है ओर भविष्य में भी कांग्रेस परिवार के साथ जुडी रहेगी |
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड सेवानिवृत्त वेलफेयर एसोसिएशन दाड़लाघाट एवं नम्होल यूनिट 17 दिसंबर को अपना स्थापना दिवस मनाएगा। महासचिव प्रेम केशव ने बताया इस मौके पर मासिक बैठक का आयोजन भी किया जायेगा। सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा इस दिन सभी पुरानी मांगों के बारे में एक बार फिर प्रदेश सरकार को चेताया जाएगा। इस दिवस के दौरान वरिष्ठ सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। यूनिट के अध्यक्ष सुखराम नड्डा ने सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों से आग्रह किया है 17 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे नम्होल पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। HPSEB Himachal News
05 दिसम्बर, 2021 अर्थात कल रविवार को हिमाचल प्रदेश एक ओर ऐतिहासिक उपलब्धि का गवाह बनेगा। हिमाचल के लिए इस दिन बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओपीडी का शुभारम्भ किया जाएगा वहीं कोविड-19 से बचाव के लिए दूसरी डोज़ के टीकाकरण का शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सोलन ज़फ़र इकबाल ने आज यहां दी। ज़फ़र इकबाल ने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. मनसुख मांडविया, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी समारोह में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सोलन जिला में इस कार्यक्रम को 02 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से दिखाने की व्यवस्था की गई है। सोलन में नगर निगम सोलन के सभागार में तथा नालागढ़ में ट्रक ऑपरेटर यूनियन नालागढ़ के सभागार में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम का लाईव प्रसारण किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम को दूरदर्शन के डीडी हिमाचल चैनल सहित डीटीएच टाटा स्काई चैनल नम्बर 1925, एयरटेल चैनल नम्बर 1963, फास्टवे के चैनल नम्बर 207 तथा जनता टीवी चैनल पर देखा जा सकेगा। Himachal News | Himachal Pradesh Samachar
हिमाचली (Himachal Pradesh) चुनावों में अपनी अदभुत चुनावी प्रतिभा को लोहा मनवा चुके सुजानपुर के विधायक व प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा को अब अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से चंडीगढ़ नगर निगम में चुनाव कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। पंजाब व चंडीगढ़ कांग्रेस के इंचार्ज हरीश चौधरी ने तत्काल प्रभाव से राजेेंद्र राणा को यह प्रभार संभालने की नोटिफिकेशन जारी की है। राजेंद्र राणा हिमाचल में हुए सोलन नगर निगम के बाद विधानसभा उपचुनावों में फतेहपुर के चुनाव प्रभारी रह चुके हैं। दोनों ही स्थानों पर विकट परिस्थितियों के बावजूद राणा की रणनीति के चलते कांग्रेस की जीत प्रचंड बहुमत से हुई है। चुनावी विधा में टास्क मास्टर साबित हो चुके राणा की इसी विशेषता के कारण अब उन्हें चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्डों का चुनाव को ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। बतौर अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कॉर्डिनेटर अब राजेंद्र राणा नगर निगम चंडीगढ़ में कांग्रेस के लिए काम करेंगे। चंडीगढ़ में 15 फीसदी हिमाचली रहते हैं। जिनके हितों और हकों के लिए हर दम सक्रिय रहने वाले राजेंद्र राणा की चंडीगढ़ की जनता के साथ-साथ इस वर्ग पर गहरी पैठ है। इसी के मद्देनजर अब राणा को एआईसीसी ने यह प्रभार सौंपा है। चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव पंजाब व चंडीगढ़ में विशेष महत्व रखते हैं। पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले 24 दिसंबर को होने वाले चुनावों में कांग्रेस हर सूरत काबिज होना चाहती है। पिछले 2 टर्म से चंडीगढ़ नगर निगम पर बीजेपी का कब्जा है। अब देखना यह है कि हिमाचल के दो चुनावों में टास्क मास्टर साबित हुए राणा चंडीगढ़ नगर निगम पर कांग्रेस को कैसे काबिज करवाते हैं। चंडीगढ़ नगर निगम के चुनावों के नोमिनेशन के आखिरी रोज 4 दिसंबर को जारी हुई इस नोटिफिकेशन ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में राणा का सियासी कद और बढ़ाया है। जिसने अब राणा को एक बार फिर खुद को साबित करने के लिए नई चुनौती पेश की है। कोई भी चुनाव किसी भी पार्टी नेता के लिए चुनौती रहता है। लेकिन जनता के विश्वास व भरोसे पर हमेशा खरे साबित होने वाले नेता हर चुनौती से पार पा लेते हैं। मुझे जो जिम्मेदारी दी है मैं उस पर 100 फीसदी खरा उतरने के लिए दिन-रात मेहनत करते हुए प्रयास करुंगा। मुझे विश्वास है कि जनता के विश्वास के कारण कांग्रेस चंडीगढ़ नगर निगम के चुनावों में जीतेगी। Himachal News
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा है कि इतिहास हमारी सभ्यता, संस्कृति और साहित्य का अभिन्न अंग है और यह तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। इसे हम नजरअंदाज नहीं कर सकते। राज्यपाल ने शनिवार को हमीरपुर के निकट ठाकुर जगदेव चंद ठाकुर स्मृति शोध संस्थान में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत "भारतीय स्वाधीनता आंदोलन: वृत्तांत, स्मृतियां एवं नेपथ्य-नायक" विषय पर आयोजित राष्ट्रीय परिसंवाद एवं वेबीनार के उदघाटन सत्र को संबोधित किया। यह दो दिवसीय परिसंवाद भारतीय इतिहास अनुसंधान परिषद और केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला के इतिहास विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। इस अवसर पर देश भर के विद्वानों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी हमारे इतिहास के कई महत्वपूर्ण विषयों को अभी तक स्पर्श ही नहीं किया गया है, ऐसे विषयों पर कई बार हम चर्चा करने से भी डरते हैं। इस दिशा में नेरी में आयोजित यह परिसंवाद निःसंदेह एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि ऐतिहासिक घटनाओं की सही डाॅक्यूमेंटेशन एवं तथ्यात्मक जानकारी आज की पीढ़ी तक पहुंचाई जानी चाहिए। उन्होंने हमारी समृद्ध संस्कृति और संस्कारों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। भारत के इतिहास के संकलन की आवश्यकता पर भी बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमारा देश आजादी के बाद ही राष्ट्र नहीं बना था, बल्कि यह तो हजारों वर्ष से एक राष्ट्र के रूप में अपने पहचान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश भारतीय इतिहास में कई तरह की भ्रांतियां पैदा हुई हैं, जिनका निवारण करना वर्तमान इतिहासकारों एवं शोधार्थियों की जिम्मेदारी है। राज्यपाल ने उम्मीद जताई कि नेरी में आयोजित परिसंवाद में व्यापक अमृत-मंथन के बाद कुछ नया निकलकर आएगा जोकि देश को एक नई दिशा की ओर अग्रसर करेगा। राज्यपाल ने कहा कि आज हमारा देश जहां अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, वहीं गोवा भी अपनी मुक्ति का 60वां वर्ष मना रहा है। उन्होंने बताया कि भारत की आजादी के 14 वर्षों के उपरांत गोवा पुर्तगाली शासन से मुक्त हुआ था। उन्होंने कहा कि गोवा की मुक्ति के लिए पंडित दीन दयाल उपाध्याय और अन्य महापुरुषों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। इनमें उन्होंने जिला कांगड़ा के राम सिंह का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोवा में आज भी लोकसंस्कृति जीवंत है। Shimla News
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने कहा कि जनप्रतिनिधि का मुख्य ध्येय लोक कल्याण तथा समाज सेवा होना चाहिए ताकि आमजन को समय पर सहायता प्रदान की जा सके। डाॅ. सैजल आज सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जौणाजी के फ्लाई, कनाह तथा दरांह-मनूह में 21 लाख रुपए की लागत से निर्मित 03 सामुदायिक भवनों का लोकार्पण करने के उपरान्त उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। ग्राम पंचायत जौणाजी के दरांह-मनूह में 15 लाख रुपए, फ्लाई में 03 लाख रुपए तथा कनाह में 03 लाख रुपए की लागत से एक-एक सामुदायिक भवन निर्मित किया गया है। डाॅ. सैजल ने कहा कि चुने हुए प्रतिनिधियों को विकास कार्यों के माध्यम से जनता के ऋण को उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास के लाभ जन-जन तक पहुंचाना ही प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। आयुष मंत्री ने कहा कि विकास एक सत्त प्रक्रिया है। कोई भी विकास कार्य जनता के सहयोग के बिना सम्पन्न नहीं होता। उन्होंने कहा कि लोकतन्त्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को बड़ी उम्मीदों के साथ चुनती है और आमजन की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए जन प्रतिनिधियों को दिन-रात मेहनत करनी चाहिए। जनता के आशीर्वाद से ही जनप्रतिनिधि विकास को नई दिशा प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में वीआईपी संस्कृति को समाप्त करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने नवीन योजनाएं आम्भ की हैं। इनके व्यापक स्तर पर बेहतर परिणाम आए हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच के माध्यम से प्रदेश सरकार लोगों के घरद्वार पर पहुंचकर जनसमस्याओं का हल कर रही है। हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के माध्यम से राज्य की हर महिला को संबल मिला है। योजना के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार को निःशुल्क गैस कुनैक्शन प्रदान किया गया है। इससे जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला है वहीं महिलाओं को धुएं से भी राहत मिली है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि कोविड के संकट से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने व्यापक पग उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 टीकाकरण की पहली डोज लगाने में हिमाचल पूरे देश में प्रथम रहा है। डाॅ. सैजल ने इस अवसर पर आश्वासन दिया कि क्षेत्र की विभिन्न मांगों को चरणबद्ध आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा। इससे पूर्व बीडीसी सोलन के उपाध्यक्ष लक्ष्मी ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न मांगे उनके समक्ष प्रस्तुत की। बीडीसी सोलन के अध्यक्ष भीम सिंह, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य रविन्द्र परिहार, भाजपा जिला महामंत्री नंदराम कश्यप, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शीला, भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, महामंत्री संजीव सूद, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र ठाकुर, चंद्रकांत शर्मा, ग्राम पंचायत मशीवर के प्रधान नरेन्द्र ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान जौणाजी की प्रधान जयवंती कश्यप, उप प्रधान अमरदत शर्मा, बीडीसी सदस्य किरण, ललिता, उपभोक्ता विपणन समिति के निदेशक कान्ति स्वरूप शर्मा, ग्राम पंचायत कोठों के उप प्रधान सुनील ठाकुर, भाजपा अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष संतोष भारद्वाज, भाजपा तथा भाजयुमो के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे। Solan News
एहसास क्लब कुनिहार के सौजन्य से हिम एकादश ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन महाराजा पदमसिंह स्टेडियम कुनिहार (तालाब) में करवाया जा रहा है। जानकारी देते हुए क्लब के सदस्य हरजिंदर ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता का शुभारम्भ रविवार 5 दिसम्बर से होगा जिसमे स्थानीय टीमो सहित अन्य क्षेत्रो से भी बेहतरीन टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के फाइनल में विजेता टीम को 51 हजार व ट्राफी तथा उप विजेता टीम को 31 हजार व ट्राफी के साथ सम्मानित किया जाएगा। एहसास क्लब के सभी सदस्यों ने क्रिकेट प्रेमियों से अपील की है कि क्रिकेट प्रतियोगिता का आनन्द लेने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पधारे ताकि साथ साथ खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़े। Kunihar Solan News
राज्य एकल खिड़की स्वीकृति एवं अनुश्रवण प्राधिकरण की 20वीं बैठक शनिवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नए औद्योगिक उद्यम स्थापित करने और वर्तमान इकाईयों के विस्तार के 19 प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें लगभग 1,376.93 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 2,266 व्यक्तियों को रोजगार प्राप्त होगा। इससे यह प्रदर्शित होता है कि आर्थिक मंदी के बावजूद राज्य निवेश को निरंतर आकर्षित कर रहा है। प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत प्रस्तावों में जिला शिमला के ठियोग के मोहाल गजेड़ी में मै. न्यू वजीर चन्द फ्रूट्स (एनडब्ल्यूसी) को सीए स्टोर स्थापित करने, जिला सोलन के नालागढ़ के गांव खेड़ा निहला में मै. लामी ट्यूबस प्राईवेट लिमिटेड को लेमिनेटिड ट्यूबस और एफएफएस ट्यूबस का निर्माण करने, जिला सोलन के नालागढ़ स्थित किरपालपुर में मै. एमजी पेट्रोकेम प्राईवेट लि. को इथनाॅल, पशु चारा व कार्बनडाईऑक्साइड उत्पादन करने, जिला सोलन के नालागढ़ स्थित किरपालपुर में मै. हाईगेना लाइफ साइसिंज प्राईवेट लि. को इथनाॅल, पशु चारा और कार्बनडाईऑक्साइड का उत्पादन करने, जिला सोलन की तहसील नालागढ़ के किरपालपुर में मै. आरएसए एनर्जी प्राईवेट लि. को इथनाॅल, पशु चारा और कार्बनडाईऑक्साइड का उत्पादन करने, जिला सोलन के नालागढ़ स्थित किरपालपुर में मै. भारत स्पिरिट् को इथनाॅल का उत्पादन करने, जिला सोलन के बद्दी स्थित गांव कालूझण्डा के मै. इवेट्स ग्लास एंड पाॅलिमर प्राईवेट लि. को पैट बोतल, लामी ट्यूब और पीवीसी केबल का निर्माण करने, जिला सोलन के नालागढ़ स्थित गांव खेड़ा निहला के मै. प्रो फ्लैक्सी पैकिंग प्राईवेट लि. को प्लासटिक ट्यूब का निर्माण करने, जिला सोलन के बद्दी स्थित गांव धर्मपुर में मै. ओकाया इवी प्राईवेट लि. को विद्युत वाहनों से संबंधित सामान और उपकरण बनाने, जिला सोलन की तहसील बद्दी स्थित गांव भोर्ड के मै. ईर फार्मा को इजेक्शन व सिरिंज का निर्माण करने, जिला सिरमौर के काला अम्ब स्थित औद्योगिक क्षेत्र जौहरों में मै. जर्मन फार्मूलेशन को टेबलेट, तरल इंजेक्शन और हैंड सेनेटाइजर इत्यादि का निर्माण करने, जिला सिरमौर के कालाअम्ब स्थित गांव पिपलवाला में मै. नितिन लिक्कर्ज को आइएमएफएल लिक्कर्ज व देसी शराब का उत्पादन करने और जिला सोलन की तहसील नालागढ़ के गांव अधुवाल में मै. जैन शाॅलस को डाइड फेबरिक का निर्माण करने के प्रस्तावों को अनुमति प्रदान की। प्राधिकरण ने जिन विस्तार प्रस्तावों को अनुमति प्रदान की उनमें जिला सोलन की तहसील कसौली के गांव व डाकघर जाबली में मै. कोस्मो फेराइटस लि. को फेराइट कोर, फेराइट पाॅउडर और ट्रांसफार्मर का निर्माण करने, जिला सोलन की तहसील बद्दी स्थित गांव थाना में मै. श्री नैना पैकेजिंग को कोरोगेटिट बाॅक्स का निर्माण करने, जिला सिरमौर के पावंटा साहिब के औद्योगिक क्षेत्र गोंदपुर में मै. एएस पैकर्ज यूनिट-2 को कार्टन और मोनोकार्टन, लेबल व प्लासटिक केपस इत्यादि का निर्माण करने, जिला सोलन में तहसील बद्दी स्थित गांव बलयाणा में मै. हिन्दुस्तान यूनिलिवर लि. को साबुन की टिक्कियां का उत्पादन करने, जिला सोलन तहसील बद्दी स्थित गांव संधोली में मै. मोंडेलेज इंडिया फूड्स प्राईवेट लि. को बोर्नविटा, चाॅकलेट व क्रुम्ब का उत्पादन करने के लिए औद्योगिक इकाई का विस्तार करने, जिला सोलन तहसील बद्दी के गांव संधोली में मै. मोंडेलेज इंडिया फूड्स प्राईवेट लि.- इकाई-2 को फाइव स्टार, जेम्स, मौलडेड चाॅकलेट व क्रुम्ब का उत्पादन करने के लिए औद्योगिक इकाई का विस्तार करने के प्रस्ताव शामिल हैं। निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति ने बैठक का संचालन किया। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह और ऊर्जा मंत्री सुख राम चैधरी बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए, जबकि मुख्य सचिव राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. धीमान व जे.सी. शर्मा, प्रधान सचिव ओंकार शर्मा और अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे। Shimla News
बढ़ते प्रदूषण के कारण दिल्ली-एनसीआर में हाहाकार मचा हुआ है। सुप्रीम कोर्ट भी सरकारों को इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम ना उठाने के लिए फटकार लगा रहा है। इस बीच हरियाणा सरकार ने एनसीआर में बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए दिल्ली से सटे अपने चार जिलों के सभी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का आदेश दिया है। हरियाणा के एनसीआर जिलों में वायु गुणवत्ता के प्रबंधन के उपायों पर सरकार के आदेश के बाद अगले आदेश तक गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में स्कूल बंद रहेंगे। वहीं केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि उसने दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से निपटने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है। साथ ही, 40 फ्लाइंग स्क्वाड भी बनाए गए हैं, जो प्रदूषण फैला रहे उद्योगों और निर्माण कार्यों पर सीधी कार्रवाई करेंगे। कोर्ट ने इस पर संतोष जताते हुए कहा कि इन उपायों पर अमल किया जाए। गौरतलब है कि कल हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र को यह चेताया था कि वह कुछ करे, नहीं तो कोर्ट अपनी तरफ से आदेश देगा।
सोने और चांदी की कीमतों में आज तेजी देखने को मिल रही है। कई दिनों के लगातार गिरावट के बाद आज गोल्ड महंगा हो गया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज सोना 0.5 फीसदी की तेजी के साथ 47,625 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर है। वहीं, गुरुवार को सोने की कीमतों में करीब 1 फीसदी यानी 500 रुपये की गिरावट देखने को मिली थी। इसके अलावा सिल्वर 0.20 फीसदी की तेजी के साथ 61234 रुपये प्रति किलोग्राम है। ग्लोबल मार्केट की बात करें तो यहां पर सोने की कीमतों में गिरावट है। यहां सोना एक महीने के निचले स्तर पर पहुंचकर 1,771.04 डॉलर प्रति औंस पर है। अन्य कीमती धातुओं में हाजिर चांदी 0.1 फीसदी बढ़कर 22.40 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि प्लैटिनम 0.3 फीसदी गिरकर 934.99 डॉलर हो गया।
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के बेंगलुरु में दो नए नए मामले मिलने के बाद एक तरफ जहां राज्य के मुख्यमंत्री ने बैठक बुलाई है तो वहीं दूसरी तरफ देश के अन्य हिस्सों में भी इसके कई संदिग्ध मरीज मिले हैं। इन सभी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि राज्य में ओमिक्रोन के संदिग्ध मरीजों की संख्या अब बढ़कर 28 हो चुकी है। उन्होंने बताया कि हाई रिस्क देशों से भारत लौटे जिन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई और उनके संपर्क में आए लोगों की टेस्ट कर उनके सैंपल जीनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजे गए हैं। मुंबई में 10-11-2021 से लेकर 2-12-2021 तक 2868 यात्री मुंबई पहुंचे थे। इनमें से 485 यात्रियों का कोरोना टेस्ट किया गया है जो अंतरराष्ट्रीय उदानों से मुंबई में आये थे। 485 में से 9 यात्रीयों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिल्हाल सभी यात्रियों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं इनके रिपोर्ट जीनोम सेक्वेन्सिंग परिक्षण के लिए भेज दिये गए है। इन सभी की जीनोम अनुक्रमण पर रिपोर्ट दो दिनों में आने की उम्मीद है और इस रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) के अटल टनल में लगातार बर्फबारी हो रही है। रोहतांग दर्रा व बारालाचा में भारी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी से नेशनल हाईवे-505 ग्रांफू से लोसर, नेशनल हाईवे-03 दारचा से सरचू समेत 45 सड़कें बंद हो गई हैं। प्रदेशभर में 164 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हो गए हैं। कड़ाके की ठंड में लोगों को बिजली के बिना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तीन दिन से खराब चल रहे मौसम से जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति में दुश्वारियों के साथ जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। बर्फबारी के कारण अटल टनल में निगम की बसों के साथ पर्यटकों की आवाजाही बंद कर दी गई है। पुलिस ने सिर्फ स्थानीय लोगों को फोर बाई फोर वाहनों की अनुमति दी है। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से कुल्लू-मनाली के विंटर सीजन को बढ़ावा मिलेगा। बता दें कि छह दिसंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। राजधानी शिमला में ठंडक बढ़ गई है। जलोड़ी दर्रा के साथ माता बूढ़ी नागिन के कपाट पांच माह के लिए बंद कर दिए गए हैं।
ओमिक्रोन के देश में लगातार बढ़ते खतरे और बेंगलुरु में मिले दो नए मरीज के बाद एक बार फिर से केन्द्र सरकार ने राज्यों को अलर्ट किया है। केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने शुक्रवार को राज्यों के मुख्य सचिवों को चिट्ठी लिखकर उन सभी से सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके साथ ही, कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और ज्यादा कड़ाई से जांच करें। राज्य सरकार को केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण की तरफ से ज्यादा से ज्यादा जीनोम सिक्वेंसिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, क्लस्टर पर भी नजर बनाए रखने को कहा गया है। साथ ही, वैक्सीनेशन में तेजी लाने और कोविड के सही व्यवहार का पालन करवाने को कहा गया है। इससे पहले बेंगलुरु में ओमिक्रोन के 2 नए मरीज मिले है। इसके साथ ही, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई जगहों पर संदिग्ध ओमिक्रोन के मरीज मिले और उनके सैंपल जीनोम सिक्वेसिंग के लिए भेजा जा चुका है। दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में विदेश से आए 8 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी लोगों के सैंपल जीनोम सिस्वेंसिंग के लिए भेज दिया गया है। दिल्ली के एलएनजेपी अस्पातल में पिछले दो दिनों में विदेश से आए 12 लोगों को एडमिट कराया गया है जिसमें से 8 लोग पॉजिटिव पाए गए है और इनके सैंपल व्होल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेज दिए गए है ताकि वैरिएंट का पता लग सके। वहीं बाकी चार के सैंपल दोबारा टेस्ट के लिए भेजे गए हैं।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस (Congress) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की उपस्थिति में शुक्रवार को यहां कांग्रेस में शामिल हो गए। सिद्धू के खिलाफ आर्म्स एक्ट के दो केस दर्ज हैं, जिनकों लेकर अब विपक्ष कांग्रेस पर हमलावर है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने मूसेवाला को युवा प्रतीक और एक “अंतरराष्ट्रीय हस्ती’’बताया। उन्होंने कहा, “सिद्धू मूसेवाला हमारे परिवार में शामिल हो रहे हैं। मैं कांग्रेस में उनका स्वागत करता हूं।” आर्म्स एक्ट को लेकर सवाल पूछने पर सिद्धू ने कहा कि अभी ये मामले कोर्ट में हैं। मूसेवाला का असली नाम शुभदीप सिंह सिद्धू है और वह मानसा जिले के मूसा गांव के रहने वाले हैं। उनकी मां एक गांव की मुखिया हैं। गायक को इससे पहले अपने गानों में हिंसा और बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था। News Punjab
राजकीय प्राथमिक पाठशाला बगार शिक्षा खंड कोटखाई के चौथी कक्षा के छात्र आरव शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कविता वाचन संगोष्ठी मेंप्रथम स्थान प्राप्त किया। आरव ने पूरे देश देश में हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) व जिला शिमला का नाम रोशन किया है। आरव ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने विद्यालय की अध्यापिका निशा शर्मा व अपने माता पिता को दिया है। बता दें कि निशा शर्मा राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित अध्यापिका हैं। वंही इस अवसर पर डिप्टी डिरेक्टर एलिमेंट्री एजुकेशन शिमला ने आरव शर्मा एवं उनकी अध्यापिका को इस विशेष उपलब्धि के लिए बधाई दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने लोकसभा मे सभापति के सामने शिमला ज़िला में स्थापित हवाई अड्डे के मुद्दे को उठाया। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि शिमला शहर एक ऐतिहासिक पर्यटन स्थल है और पूरे विश्व के मानचित्र पर पहचान रखता है, जब से कोविड का कठिन समय देश मे आया था तब से इस हवाई अड्डे पर हवाई सेवाएं रोक दी गयी थी। 2020 से अभी तक शिमला के हवाई अड्डे पर कोई विमान नहीं उतरा है, जिससे इस क्षेत्र के पर्यटन पर भी बड़ा असर पड़ा है। सुरेश कश्यप ने लोकसभा में बताया कि शिमला में एयर अलायन्स का एटीआर 42 एयरक्राफ्ट आता था जो आते समय 30 से 35 यात्रियों को लाता था और वापसि पर 8 से 10 यात्रियों को ले जाता था। उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सिफारिश करते हुए कहा कि शिमला के लिए हवाई सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करना चाहिए, जिससे इस क्षेत्र को फायदा पहुंचेगा। सांसद सुरेश कश्यप ने कुछ समय पहले शिमला हवाई अड्डे की एक बैठक भी ली थी। जहाँ उन्होंने इस संदर्भ में सभी समस्याओं पर चिंतन भी किया था, कश्यप ने कहा था कि जल्द ही वह लोकसभा में इस मुद्दे को उठाएंगे। शिमला के लिए इस प्रकार की सुविधा की लंबित मांग है और इससे जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी।
सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग जल्द ही देश का तीसरा सबसे अधिक ऊंचाई पर बनने वाला डबल लेन मार्ग होगा। इससे पहले लद्दाख में 17673 फीट की ऊंचाई पर नोबरा और 17582 फीट की ऊंचाई पर मनाली-लेह सड़क मार्ग का निर्माण किया गया है। यह सड़क 10600 फीट की ऊंचाई पर समदो से शुरू होकर 14931 फीट ऊंचे कुंजम दर्रा से होते हुए 10700 फीट ऊंचे ग्रांफू में मिलेगी। हिमाचल प्रदेश के साथ लगते चीन बॉर्डर से सटे देश के सैन्य ठिकानों को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार 202 किलोमीटर लंबे ग्रांफू-काजा-समदो मार्ग को डबललेन करने जा रही है। इसकी कुल चौड़ाई करीब 60 फीट होगी। साल 2022 में लोसर से बातल के बीच सड़क चौड़ा करने का काम शुरू हो जाएगा। चीन बॉर्डर से सटे समदो और कौमिक में भारतीय सेना और आईटीबीपी के बेस कैंप मौजूद हैं। वर्तमान में ग्रांफू से लोसर के बीच 65 किलोमीटर के दायरे में सड़क की हालत बेहद खराब है। इस बीच वाहनों की अधिकतम गति महज 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहती है। डबललेन बन जाने से यह दूरी महज तीन घंटे में पूरी होगी।
सोने की कीमतों (Gold prices) में आज गिरावट देखी गई है और मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर गोल्ड फ्यूचर्स का रेट देखें तो ये 0.2 फीसदी सस्ता होकर 47,791 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। सुबह 11.30 बजे के दाम पर नजर रखें तो सोने का फरवरी वायदा 0.36 फीसदी की गिरावट के बाद 47,701 रुपये पर ट्रेड हो रहा था। इसके अलावा चांदी का मार्च वायदा 0.30 फीसदी की गिरावट के साथ 61123 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रहा है। गोल्ड अपने रिकॉर्ड लेवल से 8000 रुपये नीचे आ चुका है। पिछले साल सोना 56,000 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचा था और इस समय सोना 48,000 रुपये से नीचे आ चुका है यानी ये पीली धातु इस दौरान सीधे-सीधे पूरे 8 हजार रुपये से ज्यादा सस्ती हो चुकी है। ग्लोबल बाजार में देखें तो डॉलर की तेजी के आधार पर सोने में बड़ी गिरावट आने की संभावना थी लेकिन कोरोना वायरस के ओमिक्रोन वेरिएंट इफेक्ट के चलते सोने की कीमतों में बहुत ज्यादा कमजोरी नहीं देखी गई। स्पॉट गोल्ड की कीमतों में 0.1 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और ये 1780.36 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रहा है। वहीं स्पॉट सिल्वर में 0.3 फीसदी की तेजी देखी गई और ये 22.37 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड कर रही थी।
जिला किन्नौर (KINNAUR) में मौसम ने करवट ले ली है। दूसरे दिन भी जिला में आसमान में काले बादल छाए रहे। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना बनी हुई है। समूचा क्षेत्र बादलों की चपेट में आने से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज हुई है। रात के समय तापमान माईनस में जाने से जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में पानी जमना भी शुरू हुआ है। हालांकि लंबे समय से बारिश नहीं होने से सूखा पड़ने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में यहां के किसान-बागवान बारिश व बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। ताकि किसान खेतों में बिजाई का कार्य शुरू कर सके। वही बर्फ सेब के पेड़ पौधों के लिए भी फायदेमंद साबित होगा।
मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश द्वारा एक अलग मुहिम चलाने का निर्णय लिया गया है। राज्य सचिवालय में मीडिया से मुखातिब मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पालरासु ने कहा कि 2022 में प्रदेश में होने वाले आम चुनाव के लिए आयोग द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिसके तहत नए मतदाताओं के पहचान पत्र बनाने का कार्य गत एक माह से चल रहा है। उन्होंने कहा कि अभी प्रदेश में कुल 53 लाख मतदाता है जिसमें 27 लाख पुरुष व 26 लाख महिला मतदाता है। इसके अलावा युवा मतदाताओं को मतदान करने व मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए विभिन्न माध्यमों से जागरूक कर रहे है। इसी के चलते शिमला में 8 दिसम्बर को साईकल रैली प्रतियोगिता के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता को 3 वर्गों में बंटा गया है। जिसमें 1 लाख 5 हजार तक का कैश प्राइज रखा गया है। इस प्रतियोगिता को आयोजित करने का उदेशय युवा पीढ़ी को मतदान के महत्व को समझाना है ताकि स्वस्थ लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। सी पालरासु ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से भी मतदाताओं के पहचान पत्र बनाये जा रहे हैं, जिसमे बिलासपुर जिला के मतदाताओं ने सबसे ज्यादा प्रयोग किया है।
मौसम विभाग ने बुधवार को साइक्लोन 'जवाद' के आने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 12 घंटे में अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। 2 दिसंबर को यह गहरे दबाव में तब्दील होगा जो 4 दिसंबर की सुबह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों से टकरा सकता है। चक्रवात के कारण दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। जिसके मद्देनजर पश्चिम बंगाल सरकार ने किसानों को अभी ही खेतों में पड़े मकई को काटने और बांधने की चेतावनी जारी की है, क्योंकि तेज बारिश से फसलों को ज्यादा नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग की मानें तो तूफान का असर छत्तीसगढ़ पर भी पड़ सकता है। वहीं आईएमडी के मृत्युंजय महापात्र ने 3 दिसम्बर से ओड़िशा के तटीय जिले में बारिश होने की जानकारी दी है। उन्होंने समुद्र में जाने वाले सभी मछुआरों को 2 दिसंबर तक वापस आ जाने के लिए अनुरोध किया है। वहीं चक्रवात 'जवाद' के खतरे को देखते हुए रेलवे ने एहतियाती उपाय और यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। यह ट्रेनें 3 और 4 दिसंबर के लिए रद्द कर दिया गया है।
आने वाले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। ये राज्य दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश शामिल हैं। इसके साथ ही, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी भी हो सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक दिसंबर को प्रेस रिलीज जारी कर यह जानकारी दी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि 1 से 2 दिसंबर के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 2 दिसंबर यानी आज उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में गरज/बिजली गिरने की संभावना है। इनके अलावा अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी आज भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। विभाग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 1 से 3 दिसंबर के बीच छिटपुट से व्यापक बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के दक्षिण अफ्रीका में मिलने और उसके बाद दुनिया के 25 देशों में अब तक इसके प्रसार से दहशत का माहौल है। हालांकि, भारत में अब तक कोरोना के इन नए वेरिएंट की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन, भारत सरकार इसको लेकर अलर्ट मोड में है। शीतकालीन सत्र के दौरान आज कोरोना पर लोकसभा में चर्चा होगी। लेकिन, उससे पहले केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया राज्यों के साथ बैठक कर रहे हैं। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जा रही है। इस बैठक में एयरपोर्ट के स्वास्थ्य अधिकारी भी शामिल हो रहे हैं। बता दें कि अमेरिका और यूएई में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के पाए जाने के बाद अब यह संक्रमण दुनिया के 25 देशों में फैल चुका है। इधर, कोविड-19 के ओमीक्रोन स्वरूप ने बुधवार को विश्व की परेशानी और बढ़ा दी क्योंकि जापान ने यात्रा प्रतिबंधों को कड़ा कर दिया। वहीं, वायरस के नये स्वरूप से संक्रमण के मामले कुछ और स्थानों पर सामने आए हैं और नये साक्ष्य से यह स्पष्ट हो गया है कि यह स्वरूप सोचे गये समय से हफ्तों पहले से व्याप्त था।
गुजरात के गिर सोमनाथ में बीती रात लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण 13 से 15 बोटों के समुद्र में डूबने की आशंका जताई जा रही है। बोट पर कई मछुवारे भी सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार उस वक्त नाव में सवार 8 से 10 मछुवारें अबतक लापता हैं। बता दें कि कल से ही खराब हो रहे मौसम को देखते हुए हवामान विभाग ने मछुवारों को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी थी। बता दें कि महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों में कल से ही लगातार बारिश हो रही है और IMD के अनुसार आने वाले 48 घंटे में यहां भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ मछुआरों के लिए भी 5 दिन की चेतावनी जारी की गई है। वहीं ओडिशा और आंध्र पर चक्रवाती तूफान 'जवाद' का साया मंडरा रहा है। अहमदाबाद में IMD की क्षेत्रीय निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा था कि गुजरात में 30 नवंबर से बारिश शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक के लिए मछुआरों को उत्तर और दक्षिण गुजरात तट के लिए चेतावनी जारी की गई है।
वर्ल्ड एथलेटिक्स ने भारत की फर्राटा धाविका अंजू बॉबी जार्ज को वुमन ऑफ द ईयर के अवॉर्ड से नवाजा है। विश्व एथलेटिक्स ने उन्हें यह पुरस्कार उन्हें खेल को भारत में बढ़ावा और बहुत बड़ी संख्या में महिला को प्रेरित करने के लिए दिया गया है। अंजू से प्रेरित होने के बाद देश में कई महिला एथलीट उनके पदचिन्हों पर चलते हुए देश का नाम रोशन कर रही हैं। बता दें कि पूर्व ओलंपियन अंजू बॉबी जॉर्ज आज भी खेल में सक्रिय हैं। इंडियन एथलेटिक्स फेडरेशन की सीनियर वाइस प्रेसीडेंट अंजू ने साल 2016 में युवा लड़कियों के लिए ट्रेनिंग एकेडमी खोली जिसके तहत अंडर-20 पदक विजेताओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभार्ई। कई प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन करने वाली अंजू बॉबी जॉर्ज ने साल 2003 में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की लंबी कूद स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया था।
हिमाचल प्रदेश में मौसम बदल गया है। स्पिति के काज़ा में ताज़ा बर्फ़बारी हुई है। इसके अलावा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ़ का दौर जारी है। मौसम के बदलाब से तापमान में भारी गिरावट आई है। परिणामस्वरूप ठंड बढ़ गई है। वंही मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम के ख़राब रहने की संभावना जताई है।
कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन के बढ़ते खतरे के बीच देशभर में आज करीब 9 हजार नए कोरोना केस मिले है। इसके साथ ही 267 मरीजों की मौत हो गई जबकि 10 हजार से ज्यादा मरीज कोरोना संक्रमण को मात देकर ठीक हो गए। बुधवार सुबह को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए आंकड़ों से यह जानकारी मिली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटे में देशभर में कोरोना के कुल 8954 मिले हैं। इस अवधि में 267 कोरोना मरीजों की मौत हो गई जबकि 10207 कोरोना के मरीज स्वस्थ हो गए। मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटे में देश के भीतर 1520 एक्टिव केस घटे हैं, जिसके बाद अब कुल 99023 एक्टिव केस रह गए, जिनका इलाज जारी है। अभी तक के कुल आंकड़ों की बात करें तो देश में एक दिन में कोविड-19 के 8,954 नए मामले सामने आने के बाद देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,45,96,776 हुई जबकि 267 मौतों के साथ कुल मृतकों की संख्या बढ़कर 4,69,247 तक पहुंच गई। देश भर में अभी तक कुल 3,40,28,506 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं।
कोरोना वायरस के नए वेरिएंट 'ओमीक्रोन' को लेकर बढ़ती चिंता के बीच केंद्र सरकार चौकन्ना हो गई है। सरकार की ओर से हाई रिस्क वाले देशों से भारत पहुंचने वाले यात्रियों के लिए संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सरकार की कोशिश है कि इन दिशा-निर्देशों का सख्ति से पालन हो। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी संशोधित दिशा-निर्देश बुधवार एक दिसंबर से अगले आदेश तक मान्य रहेंगे। ओमीक्रोन वेरिएंट को देखते हुए 28 नवंबर को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए थे। आदेश में कहा गया है कि सभी संबंधित आधिकारी इन संशोधित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें और क्षेत्र अधिकारियों को भी इन दिशा-निर्देशों के बारे में सूचित करें ताकि इनका सख्ती से पालन हो सके। गाइडलाइन्स के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय पैसेंजर को सफर की शुरुआत से पहले अपनी ट्रैवल हिस्ट्री और निगेटिव RT-PCR जांच रिपोर्ट केंद्र सरकार के एयर सुविधा पोर्टल पर डालनी होगी। नई संशोधित गाइडलाइंस के मुताबिक किसी भी अंतरराष्ट्रीय देशों से भारत आने वाले यात्रियों से उनकी पिछले 14 दिन की ट्रैवल हिस्ट्री का रिकॉर्ड मांगा जाएगा। इसका मतलब ये हुआ कि यात्रि इन 14 दिनों में किन-किन देशों की यात्रा की है। इस रिपोर्ट के जरिए सरकार यह देखेगी कि 'एट रिस्क' लिस्ट में शामिल देशों में तो नहीं गए। सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देश के मुताबिक 'कंट्री एट रिस्क' की सूचि से बाहर के देशों से आ रहे यात्रियों को भारत में उतरने के बाद एयरपोर्ट से बाहर जाने की इजाजत दी गई है। ऐसे पैसेंजर जो 'कंट्री एट रिस्क' के देशों की सूचि के अलावा किसी अन्य देश से आ रहे हैं तो वह 14 दिन तक अपनी हेल्थ को सेल्फ मॉनिटर करेंगे। विदेशों से आने वाले यात्रियों में से पैसेंजर का 5 प्रतिशत लोगों को एयरपोर्ट पर उतरने के बाद कोविड टेस्ट किया जाएगा। यह टेस्ट रेंडम तरीके से यात्रियों को चुनकर किया जाएगा। दिशा-निर्देश के मुताबिक 'एट रिस्क' लिस्ट वाले देशों से आने वाले यात्रियों का एयरपोर्ट पर उतरने के बाद कोरोना टेस्ट किया जाएगा। रिपोर्ट आने तक इन यात्रियों को एयरपोर्ट पर रुक कर ही इंतजार करना होगा। यदि टेस्ट का रिपोर्ट निगेटिव आता है तो उन्हें 7 दिन के होम क्वारंटाइन में रहने की इजाजत दी जाएगी। इसके बाद 8वें दिन फिर से टेस्ट करवाना होगा यदि वह रिपोर्ट भी निगेटिव आता है तो अगले 7 दिन उन्हें सेल्फ-मॉनिटरिंग में रहना होगा। केंद्र सरकार की सूचि में जो देश 'एट रिस्क' में शामिल हैं वह ब्रिटेन समेत सभी यूरोपीय देश, इजराइल, साउथ अफ्रीका, ब्राजील, बांग्लादेश, बोत्सवाना, चीन, मॉरीशस, न्यूजीलैंड, जिम्बाब्वे, सिंगापुर और हांगकांग है। ऐसे में सरकार की कोशिश है कि देश में कोरोना के नए वेरिएंट को फैलने से रोका जाए।
सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के लेटेस्ट रेट्स जारी कर दिए हैं। लगातार 27वें दिन तेल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, इंटरनेटशल मार्केट में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में आज भी गिरावट देखने को मिल रही है। देश की राजधानी दिल्ली में 1 लीटर पेट्रोल की कीमत 103.97 रुपये और डीजल का भाव 86.67 रुपये है। इंटरनेशनल मार्केट में ब्रेंट क्रूड की कीमतों में 3.91 फीसदी की गिरावट देखने को मिल रही है, जिसके बाद ब्रेंट क्रूड 70.57 डॉलर प्रति बैरल पर नजर आ रहा है। वहीं, WTI Crude की कीमतों में 0.48 फीसदी का इजाफा देखने को मिल रहा है, जिसके बाद डब्लूटीआई 66.50 डॉलर प्रति बैरल पर है। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार आ रही गिरावट के वजह से जल्द ही पेट्रोल की कीमतों में भी कटौती देखने को मिल सकती है।
आम जनता पर महंगाई की मार बढ़ती ही जा रही है। 1 दिसंबर को सरकारी तेल कंपनियों ने गैस सिलेंडर के दाम में भी इजाफा कर दिया है। आज से गैस सिलेंडर 100 रुपये महंगा हो गया है। वहीं, पिछले महीने ये सिलेंडर 266 रुपये महंगा हो गया था। बता दें ये इजाफा सिर्फ कामर्शियल सिलेंडर पर हुआ है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी रसोई गैस के लिए पुराने वाले रेट्स ही चुकाने होंगे। आज की गई बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कामर्शियल सिलेंडर का दाम 2100 रुपये के भी पार पहुंच गया है। इसके अलावा दिल्ली में 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत 899.50 रुपये है।
ट्विटर की कमान संभालते ही पराग अग्रवाल एक्शन में दिखने लगे हैं। ट्विटर के सीईओ पराग अग्रवाल ने मंगलवार को ट्विटर को लेकर नए नियम लागू कर दिए हैं। नए नियमों के मुताबिक कोई भी यूजर्स किसी अन्य की फोटो या वीडियो उनकी सहमति के बिना साझा नहीं कर पाएंगे। ट्विटर के अनुसार कंपनी ने यह कदम उत्पीड़न को देखते हुए बनाया है। ट्विटर का कहना है कि उत्पीड़न विरोधी नीतियों को और अधिक मजबूत बनाना है इस कारण ये कदम उठाया गया है। ट्विटर के नए नियमों के तहत जो व्यक्ति पब्लिक फीगर नहीं हैं, वह अपनी तस्वीर या वीडियो को हटाने के लिए कह सकते हैं जिनको शेयर करने के लिए उनकी सहमति नहीं ली गई है। हालांकि ट्विटर ने साफ कर दिया है कि पब्लिक फिगर वाले लोगों को यह सुविधा नहीं मिलेगी। ट्विटर की नई नीति में निजी जानकारी को उजागर करने की धमकी देना या दूसरों को ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करना भी गोपनियता नीति में शामिल है। गौरतलब है कि ट्विटर के सह-संस्थापक जैक डॉर्सी ने सीईओ पद से अपना इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद भारतीय मूल के पराग अग्रवाल को नया सीईओ बनाया गया है। पराग आईआईटी-बंबई और स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के छात्र रह चुके हैं। पराग अग्रवाल 2011 से ट्विटर में काम कर रहे हैं और 2017 से कंपनी के सीटीओ के पद पर थे।
आज देश की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहने वाले सीमा सुरक्षा बल का स्थापना दिवस है। यह हर साल 1 दिसंबर को मानाया जाता है। आज के दिन यानी 1 दिसंबर को BSF 57वां स्थापना दिवस मना रहा है। दरअसल आज के दिन ही 1965 में BSF का गठन किया गया था। बीएसएफ के स्थापना दिवस पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने जवानों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दी है। वहीं इस मौके पर BSF ने भी कू ऐप के माध्यम से कहा कि आज 1 दिसंबर 2021 है। आज के दिन हमें मातृभूमि के सेवा करते हुए 57 साल के हो गए हैं और यह अनंतकाल तक जारी रहेगा। देश की सेवा करना रक्षा और सम्मान की बात है। बता दें कि BSF यानी बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स की स्थापना पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ अंतराष्ट्रीय सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए किया गया था। इस फोर्स का गठन 1 दिसबंर 1965 को केएफ रुस्तमजी के कुशल नेतृत्व में 'किया गया था।
किसान आंदोलन में फूट की खबरों के बीच आज दिल्ली के सिंधु बॉर्डर पर 40 किसान संगठनों की होने वाली बड़ी बैठक रद्द हो गई है। किसानों की घर वापसी और MSP कमेटी के गठन के प्रस्ताव पर चर्चा होनी थी। जानकारी मिल रही है कि किसान संगठनों के बीच फूट पड़ गई है। पंजाब के ज्यादातर किसान आंदोलन खत्म करने के पक्ष में हैं। पंजाब के कई किसान संगठन आंदोलन की जीत के बाद धरना खत्म करने के पक्ष में हैं वहीं कई किसान संगठन एमएसपी कानून और मुकदमों की वापसी समेत अन्य मांगों को लेकर धरना जारी रखना चाहते हैं। वापसी के पक्ष वाले आम सहमति बनाने की कवायद कर रहे हैं। रणनीतियों को अंतिम रूप देने के लिए आज किसान संगठन अहम बैठक करनी थी। पंजाब के 32 संगठनों की कल हुई बैठक में आम सहमति बनी कि संसद से कृषि कानूनों की वापसी के साथ ही आंदोलन की जीत हो चुकी है। एमएसपी कानून बनने की प्रक्रिया में समय लगेगा इसलिए सरकार को एक समयसीमा देकर वापस लौटना चाहिए।
संसद सत्र का आज तीसरा दिन है। तीसरे दिन भी सदन के दोनों सदनों में हंगामे के आसार दिख रहे हैं। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा में बुधवार को कोविड-19 महामारी पर एक अल्प अवधि की चर्चा के लिए समय आवंटित किया गया है। यह चर्चा नियम 193 के अंतर्गत होगी, जिसके तहत सदस्य कोविड-19 के नए स्वरूप ओमीक्रोन के बारे में जानकारी मांग सकते हैं। प्रह्लाद जोशी ने कहा कि लोकसभा में बुधवार को महामारी पर एक अल्प अवधि की चर्चा होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को संसद में कहा कि अभी तक देश में कोरोना वायरस के नये स्वरूप ओमीक्रोन का कोई मामला सामने नहीं आया है और सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है कि यह देश में नहीं पहुंचे। वहीं दूसरे दिन राज्यसभा में विपक्षी दलों के 12 सदस्यों को मौजूदा संसद सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किये जाने के विरोध में मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस समेत अन्य कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने सदन से वाकआउट किया, वहीं उच्च सदन में सभापति के माफी मांगने के लिए कहने के बाद सदस्यों ने पूरे दिन की कार्यवाही का बहिष्कार किया। वंही दिल्ली में आज 40 किसान संगठनों की होने वाली बैठक रद्द गई है। इसकी वजह से सामने आ रही है कि किसान संगठनों में फूट पड़ रही है।
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया है। यह मुठभेड़ राजपुरा इलाके में बुधवार की सुबह शुरू हुई थी। ये मुठभेड़ अब खत्म हो गई है। जिन दो आतंकियों के शव बरामद हुए हैं। ऐसा कहा जा रहा है कि मारे गए आतंकियों का संबंध जैश-ए-मोहम्मद से हो सकता है।
ओमीक्रोन ने एक बार फिर दुनिया के सभी देशों की चिंता बढ़ा दी है। भारत भी हर स्तर पर जाकर इस संक्रमण को देश तक आने से रोकने की कोशिश कर रहा है। इसी क्रम में यूपी, बिहार, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में गाइडलाइन जारी की गई है। महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा के लिए सख्त दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। वहीं झारखंड में एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की जांच के लिए निगरानी टीमों की तैनाती की गई है साथ ही पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा में बुधवार को कोविड-19 महामारी पर एक अल्प अवधि की चर्चा के लिए समय आवंटित किया गया है। यह चर्चा नियम 193 के अंतर्गत होगी, जिसके तहत सदस्य कोविड-19 के नए स्वरूप ओमीक्रोन के बारे में विवरण मांग सकते है। जोशी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि लोकसभा में बुधवार को महामारी पर एक अल्प अवधि की चर्चा होगी। बता दें कि इस वायरस के बारे में पिछले सप्ताह ही पता लगाया गया था। इस वेरिएंट की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका में हुई थी। हालंकि इसके फैलने की रफ्तार अन्य वेरिएंट से ज्यादा तेज है और यह कुछ ही दिनों में पूरी 13 देशों में फैल गया है। इस नए वेरिएंट के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी नहीं होने के कारण इसे रोकना मुश्किल हो रहा है और यह वैक्सीनेटेड लोगों को संक्रमित कर रहा है। कई महाद्वीपों में ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमित होने के मामलों की पुष्टि हो चुकी है। जर्मनी, इटली, बेल्जियम, इजरायल और हांगकांग में भी इसके मामले सामने आए हैं।
आने वाले कुछ दिनों में देश के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। ये राज्य राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा और आंध्र प्रदेश हैं। इसके साथ ही, कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी भी देखी जा सकती है। हालांकि, इस दौरान तमिलनाडु में बारिश के घटने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने जारी की गई एक प्रेस रिलीज में बताया कि 30 नवंबर यानी आज से 2 दिसंबर के दौरान अंडमान और निकोबार में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, इसके अलावा 3 दिसंबर की रात से अगले 48 घंटों तक उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वर्षा गतिविधि बढ़ने की संभावना है। विभाग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 1 से 3 दिसंबर के बीच छिटपुट से व्यापक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। ऐसा सबसे ज्यादा दो दिसंबर को होता दिखेगा। मौसम विभाग ने कहा कि दो दिसंबर को उत्तराखंड में छिटपुट भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है।


















































