ठियोग के समीप सड़क धंसने से नेशनल हाईवे-5 वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद हो गया। ठियोग बस स्टैंड से करीब 400 मीटर की दूरी पर नेशनल हाईवे (NH) पूरी तरह बंद हो गया। इससे अपर शिमला का राजधानी से पूरी तरह संपर्क कट गया है। बताया जा रहा है वीरवार सुबह पौने आठ बजे के करीब सड़क धंस गई। बीती रात भारी बारिश के बाद हल्की मिट्टी व पत्थर गिरने शुरू हो गए थे। NH बंद होने से स्थानीय लोगों और कामकाजी व्यक्तियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे क्षेत्र में स्कूली बच्चे भी समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। विभाग द्वारा दावा किया जा रहा है कि कुछ देर में सड़क को छोटे वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा, लेकिन बस व ट्रकों के लिए आज सड़क खुलने की कम उम्मीद है।
भारतीय जनता पार्टी मंडल नादौन की एक विशेष बैठक आज कांगू रेस्ट हाउस में मंडल अध्यक्ष कैप्टन हरदयाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पूर्व विधायक एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री एवं पूर्व जिला महामंत्री एवं एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया। बैठक में भाजपा द्वारा चलाए जाने वाले महा संपर्क अभियान एवं बूथ सशक्तिकरण अभियान के बारे में विस्तृत रूप से चर्चा की गई। बैठक के प्रभारी अजय शर्मा ने भाजपा द्वारा 30 मई से लेकर के 30 जून तक चलाए जाने वाले महासंपर्क अभियान के तहत होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों जैसे संपर्क से समर्थन विकास तीरथ मन की बात एवं विस्तारक योजना की। विस्तृत जानकारी उपस्थित कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी एवं विभिन्न ग्राम केंद्रों के प्रभारी नियुक्त किए गए। अजय शर्मा ने बताया कि भाजपा के विस्तारक हर बूथ पर जाकर कार्य समितियों का नवीनीकरण करेंगे तथा भाजपा के महा संपर्क अभियान के तहत होने वाले सभी कार्यक्रम पर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा सके इसके लिए एक विशेष कार्य योजना तैयार की गई । बैठक में भाजपा के विस्तारक विकास कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि गत विधानसभा चुनावों के परिणामों की समीक्षा के साथ-साथ अब आने वाले लोकसभा चुनावों के लिए संपूर्ण संगठन को पुनः सक्रिय होकर जनता के बीच जाना होगा एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार पुनः सत्तासीन करना होगा, ताकि भारत पुनः विश्व गुरु बन सके। विजय अग्निहोत्री ने कहा कि नादौन के लोग प्रदेश को मुख्यमंत्री देकर भी अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहे हैं । मुख्यमंत्री ने बीते 5 महीनों में कोई भी विशेष सौगात नादौन क्षेत्र की जनता को नहीं दी है उल्टा प्रदेश सरकार बदले की भावना से कार्य कर रही है और भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं का राजनीतिक उत्पीड़न किया जा रहा है। जिसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। विजय अग्निहोत्री ने कहा कि वे हमेशा जनता के बीच रहे हैं और जनता के बीच में रहेंगे और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं होने देंगे विजय डॉक्टर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण भाव से एक बार पुनः संगठन कार्य में जुट एंगे एवं राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए जा रहे निर्देशन एवं कार्यक्रमों का निष्ठा से पालन करेंगे एवं भाजपा को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक लीड दिलवाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड से प्राप्त सूचना के अनुसार 11 केवी चम्बाघाट फीडर में आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 27 मई को सोलन के विभिन्न स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी प्रदेश विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षक अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 27 मई को प्रातः 10.00 बजे से सायं 5.30 बजे तक हिमाचल पथ परिवहन निगम की कार्यशाला, गरीब बस्ती, हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग का विश्राम गृह, चम्बाघाट चैक के कुछ क्षेत्र, बसाल मार्ग, बावरा, सूर्य किरण कालोनी, कथेड़, बसाल, कालाघाट, हाउसिंग बोर्ड बसाल, सेरी, पट्टी, धाला, डांगरी, गारा, धरोट, जियुण, आंजी सलुमणा एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों से उपरोक्त तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत खरीदी गई 15 इलेक्ट्रिक बसों में लोग सफर कर पाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज अंतरराज्यीय बस अड्डा धर्मशाला से बसों को हरी झंडी दिखाई है। सभी बसें हिमाचल पथ परिवहन निगम के निर्धारित रूट पर दौड़ेंगी। बसों को कुछ दिन पुर्व ट्रायल के तौर पर चलाया गया था। 45 से 50 मिनट में होंगी चार्ज इलेक्ट्रिक बसें 45 से 50 मिनट में चार्ज हो जाएंगी और 180 किलोमीटर चलेंगी। हालांकि चालकों को ये निर्देश दिए हैं कि जब बैटरी 20 प्रतिशत रह जाए तो बसें न चलाएं और इन्हें चार्जिंग स्टेशनों में चार्ज करें। होगा पर्यावरण संरक्षण इलेक्ट्रिक बसों के चलने से हरित परिवहन को बल मिलेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण होगा। डीजल व पेट्रोल से चलने वाले वाहनों के कारण पर्यावरण दूषित होता है। इसके तहत ही स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की दिशा में कदम उठाया है। स्मार्ट सिटी के तहत परिवहन विभाग के माध्यम से 18.50 करोड़ रुपये से बसों की खरीद की गई है, जबकि 2.50 करोड़ रुपये से चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। सीएम ने बस टर्मिनल का किया भूमिपूजन मुख्यमंत्री इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाने के साथ बस टर्मिनल धर्मशाला का भूमिपूजन भी किया । करीब 20 कनाल भूमि में बस टर्मिनल का निर्माण पीपीपी मोड यानी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत किया जाना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का आह्वान करते हुए अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों के लिए अभी से कमर कसने को कहा है। उन्होंने कहा है कि संगठन की मजबूती से ही कांग्रेस ने पहले चार उप चुनाव जीते। उसके बाद प्रदेश विधानसभा चुनावों में अपनी जीत का परचम लहराया और अब शिमला नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस ने अपनी जीत का क्रम जारी रखते हुए हेडट्रिक लगाई हैं। आज केलांग में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की एक बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने अभी 5 महीने ही हुए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी सभी गारंटी को चरणबद्ध ढंग से पूरा करेगी। बैठक में लाहुल घाटी में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने व पर्यटन के दृष्टि से इस घाटी में सुबिधाओं के विस्तार की मांग को लेकर प्रतिभा सिंह ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को वह केंद्र सरकार के समक्ष रखेगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रो के लोगों के अधिकारों का किसी भी प्रकार से हनन सहन नहीं होगा। बैठक में रोहतांग टनल पर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की शिलान्यास पटिका को उसी स्थान पर फिर से पुनः स्थापित करने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि चुनावों से पूर्व उन्होंने इस क्षेत्र के लोगों को आश्वासन दिया था कि भाजपा द्वारा रोहतांग टनल से हटाई गई सोनिया की शिलान्यास पटिका को कांग्रेस सत्ता में आते ही पुनः स्थापित करेगी। इसलिए अब उसे जल्द स्थापित किया जाना चाहिए। लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि वह सभी की समस्याओं को दूर करने का पूरा प्रयास कर रहें है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के विकास की उनकी जिम्मेवारी है जिसे वह हर हाल में पूरा कर रहें है।उन्होंने कहा कि जिला में कांग्रेस संगठन मजबूत है और इसी मजबूती से कांग्रेस यहां जीती हैं। उन्होंने उन्हें सहयोग देने के लिये सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान बैठक में कांग्रेस जिला अध्यक्ष ज्ञाल्छन ठाकुर, जिप अध्यक्ष अनुराधा राणा, उपाध्यक्ष राजेश, जिप सदस्य दोरजे लारजे, जिप सदस्य कुंगा बोद्ध, जिप सदस्य छेजंग डोलमा, जिप सदस्या बिना देवी, बीडीसी प्रोमिला, बीडीसी भावना, डीसीसी प्रवक्ता अनिल सहगल, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष नोरबू थोलकपा, केलांग ब्लॉक अध्यक्ष रमेश, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजित लेकी, दीपक, रोहन, चिराग, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि किरण, राज नेगी, निर्मला देवी, रानिका पंचायत प्रधान मानदासी, पूर्व जिला अध्यक्ष नोरवू छेलिंगपा सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज होटल मरीना शिमला में सड़क सुरक्षा और परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में परिवहन विभाग के अंतर्गत चल रहे विभिन्न कार्यों एवं मदो पर विस्तृत चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी सक्रियता, मानवीय दृष्टिकोण एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अख्तियार करें, ताकि आम जन को इसका लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि दूसरे राज्यों से प्रवेश करने वाली अनाधिकृत बसों पर हम जल्द ही कानून ला कर शिकंजा कसने जा रहे है, जिसके तहत उन बसों पर दैनिक 5 हजार, प्रति सप्ताह 25 हजार, महीने का 75 हजार और सालाना 9 लाख रुपए शुल्क वसूलने का प्रावधान किया जायेगा। शुल्क के माध्यम से सालाना लगभग 10 करोड़ की आय प्रदेश को प्राप्त होगी। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को प्रदेश में बिना पंजीकरण के कोई भी गाड़ी न चलने आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त सरकारी गाड़ियों को छोड़कर गाड़ियों पर लगी हुई प्लेट्स को भी हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में जेसीबी, पोकलेन एवं इसके अतिरिक्त अन्य भारी मशीनरी के कागज की जांच करे ताकि प्रदेश में बिना कर दिए बिना कोई भी मशीन या गाड़ी कार्य न कर सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकारी बेहतर कार्य का निष्पादन करें। प्रति वर्ष बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी को एक सम्मान प्रदान किया जायेगा जिस से विभाग में प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहेगा और साथ ही विभाग में बेहतर कार्य का निष्पादन हो सके। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग ने वित्त वर्ष 2023 -24 में राजस्व प्राप्तियों के तय लक्ष्य को लगभग 15 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। और जल्द ही तय लक्ष्य को पूर्ण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वाहनों के विशेष फैंसी नंबर जारी करने के लिए संशोधित ई ऑक्शन प्रणाली 29 मई से पूरे प्रदेश में लागू की जाएंगी। इस से पूर्व प्रारंभिक तौर पर संशोधित ई ऑक्शन प्रणाली को बैजनाथ और शिमला में शुरू किया गया था। सफल परीक्षण के उपरांत यह प्रणाली पूरे प्रदेश में शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 327 नंबर फैंसी नंबर को ई ऑक्शन प्रणाली के लिए चिन्हित किया गया है जिसकी दर 10 हजार से 1 लाख रुपए तक निर्धारित की गई है। इस अवसर पर वाहनों पर लगने वाले कर पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
एमएस स्वामीनाथन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर, शूलिनी यूनिवर्सिटी ने मिलेटस (बाजरा) के अंतर्राष्ट्रीय वर्ष- 2023 के उपलक्ष्य में कार्यक्रमों की एक श्रृंखला के हिस्से के रूप में बाजरा दिवस की मेजबानी की। पद्मश्री डॉ. खादर वली, "भारत के बाजरा मैन" और एक प्रसिद्ध खाद्य और पोषण विशेषज्ञ, इस अवसर पर अतिथि वक्ता थे, और उन्होंने चर्चा की कि चावल और गेहूं की तुलना में बाजरा फाइबर और प्रोटीन का एक बहुत अच्छा स्रोत है। उन्होंने आगे कहा कि यद्यपि बाजरा लंबे समय तक मुख्यधारा के आहार का हिस्सा थे, लेकिन पिछले 60-70 वर्षों में चावल और गेहूं का विपणन करने वाले निगमों द्वारा इन्हें "तोड़फोड़" किया गया, जिसे उन्होंने "बीमारी पैदा करने वाले नकारात्मक अनाज" करार दिया। प्रो खादर ने कहा कि बाजरा को "सिरी धान्य" कहा जाता है, जिसका अर्थ है सकारात्मक बाजरा, और "शुक धान्य" (उपचार गुणों वाले बाजरा)। खादर वली ने बाजरा की प्राकृतिक खेती के लिए एक विधि (कडू कृषि) भी प्रतिपादित की है। डॉ खादर वली ने साझा किया कि पोषण मूल्य के मामले में, बाजरा चावल और गेहूं को पीछे छोड़ देता है। उन्होंने यह भी बताया कि कुदाल मधुमेह, मोटापा और हृदय रोग जैसी तथाकथित जीवन शैली की बीमारियों को नियंत्रित करने और रोकने में मदद कर सकता है। बाजरा हमारे आहार में ग्लाइसेमिक नियंत्रण सुनिश्चित कर सकता है, कब्ज को कम कर सकता है और स्तन कैंसर और श्वसन संबंधी समस्याओं से बचा सकता है। डॉ. खादर वली ने कहा कि उन्होंने चिकित्सीय आहार में विभिन्न बाजरा का उपयोग किया है और विभिन्न रोगियों के लिए मधुमेह, हाइपरलिपिडेमिया, दवा-प्रेरित कुपोषण और एनीमिया को दूर करने में स्वास्थ्य लाभ दर्ज किया है। बाजरा हाइपोथायरायडिज्म से पीड़ित लोगों और पॉलीसिस्टिक ओवेरियन डिजीज से पीड़ित महिलाओं के लिए भी बहुत अच्छा करता है। उन्होंने जीवनशैली के साथ-साथ मानसिकता में बदलाव पर भी जोर दिया, जिसका मतलब है कि एक स्वस्थ और टिकाऊ समाज बना सकते हैं। उन्होंने सभी कृषि विशेषज्ञों से मिट्टी, पानी, पर्यावरण और सबसे बढ़कर मानव स्वास्थ्य को बचाने के लिए कृषि में मोटे अनाज को बढ़ावा देने का आग्रह किया। प्रोफेसर पीके खोसला, कुलाधिपति शूलिनी विश्वविद्यालय ने अपने संदेश में, जिसे विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. सुनील पुरी द्वारा पढ़ा गया , पोषण सुरक्षा को लक्षित करने के लिए बाजरा की खेती को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शूलिनी में विभिन्न संकाय खेती के विभिन्न पहलुओं पर काम कर रहे हैं और राष्ट्रीय फोकस के अनुरूप बाजरा के मूल्यवर्धन पर काम कर रहे हैं। इस विशेष व्याख्यान के लिए एमएस स्वामीनाथन स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर और अन्य संकायों के संकाय सदस्यों के साथ लगभग 200 स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र उपस्थित थे। इस अवसर पर बाजरा केंद्रित विशेष प्रदर्शनी, पोस्टर प्रस्तुति प्रतियोगिता और घोषणा प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
भारतीय डाक विभाग के मंडलीय कार्यालय देहरा में नव निर्मित डाक प्रशिक्षण केंद्र डब्ल्यूटीसी देहरा का उद्घाटन वंदिता कोल चीफ पोस्टमास्टर जनरल, शिमला के द्वारा किया गया। यह डाक प्रशिक्षण केंद्र लगभग 11.50 लाख की लागत से तैयार किया गया है, जिसमें सभी आधुनिक कंपूटरीकृत उपकरण उपलब्ध है। इस डाक प्रशिक्षण केंद्र के बनने से देहरा मंडल के अंतर्गत लगभग 700 से 800 विभागीय कर्मचारियों को फायदा मिलेगा। मुख्य अतिथि वंदिता कौल ने बताया कि देहरा में डाक प्रशिक्षण केंद्र खुलने से स्थानीय कर्मचारियों को विभागीय व व्यवसायिक प्रशिक्षण देहरा में ही दिया जा सकेगा जिससे भारतीय डाक के उत्पादों और सेवाओं को उच्चतम गुणवत्ता के साथ आम ग्राहकों को प्रदान करने में कारगर सिद्ध होगा। उन्होंने बताया की देहरा डाक मंडल हमेशा ही परिमंडल स्तर पर अच्छा कार्य करता रहा है और इस वितीय वर्ष में भी बहुत सारी विभागीय सेवाओं में देहरा प्रथम स्थान पर बना हुआ है, जिसकी उन्होंने प्रसंशा की है। इस मौके पर डाक अधीक्षक देहरा बलबीर चंद ने बताया कि जिन प्रशिक्षणों के लिये विभागीय कर्मचरियों को पहले शिमला, ऊना व धर्मशाला जाना पड़ता था, अब वह प्रशिक्षण स्तर इस प्रशिक्षण केंद्र के खुलने से देहरा में उपलब्ध हो जाएगा, जो कि विभागीय कर्मचारियों के लिए बहुत लाभकारी सिद्ध होगा। इसके अलावा वंदिता कौल, चीफ पोस्टमास्टर जनरल, शिमला द्वारा पौधारोपन भी देहरा डाकघर के परिसर में किया गया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि सोलन के ऐतिहासिक राज्य स्तरीय शूलिनी मेला को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मेला घोषित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। डाॅ. शांडिल आज यहां राज्य स्तरीय माता शूलिनी मेला आयोजन समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोलन की अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी को समर्पित यह मेला सोलन के साथ-साथ पड़ोसी ज़िलों और देश विदेश में अपनी विश्ष्टिता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय इस मेले को अंतरराष्ट्रीय स्तर का किया जाना आवश्यक है। इस दिशा में सघन प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने उपायुक्त सोलन को निर्देश दिए कि मेलो को अंतरराष्ट्रीय घोषित करने के संदर्भ में सभी औपचारिकताएं पूर्ण की जाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शूलिनी मेला सम्भवतः एक मात्र ऐसा आयोजन है जिसमें तीन दिनों तक लगातार जगह-जगह भण्डारों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इन तीन दिनों में माँ के दर्शन करने आने वाले एवं मेला देखने वाला कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहता। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को पूर्व की भांति जारी रखा जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सोलन शहर में सभी व्यवस्थाओं को यथावत बनाए रखते हुए स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं सोलन शहर में शीघ्र ही स्वच्छता जागरूकता अभियान की अगुवाई करेंगे। डाॅ. शांडिल ने निर्देश दिए कि मेला अवधि में सोलन शहर की सजावट व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि इस अवधि में पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ध्वनि व्यवस्था को उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से हिमाचल के कलाकारों को उचित समय प्रदान करने और कलाकार चयन को निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप करने के निर्देश दिए।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जिला किन्नौर में कक्षा 8 से 10वीं तक के सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए वित्तीय साक्षरता अभियान के तहत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्पा में खंड स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कल्पा विकास खंड के 8 विद्यालयों के 16 छात्रों ने भाग लिया। पंजाब नेश्नल बैंक रिकांगपिओ के तिलक राज डोगरा ने बताया कि पंजाब नेश्नल बैंक द्वारा भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशानुसार वित्तीय साक्षरता के तहत इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्पा से काव्य कुमारी व शिखा ने प्रथम स्थान, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बटसरी से ज्योति नेगी व तमन्ना ने दूसरा स्थान तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सापनी से सुषमा व अरमान ने तृतीय स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया कि बैंक की तरफ से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 5000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 4000 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 3000 रुपये की राशि पुरस्कार स्वरूप उनके बचत खातों में अन्तरित कर दी गई है। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला प्रबंधक द्वारा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के लिए जिला स्तर पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला में आयोजित जाईका की वानिकी एवं प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन परियोजनाओं (एनआरएम) की तीन दिवसीय 12वीं वार्षिक कार्यशाला को धर्मशाला से वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश के हरित आवरण को बढ़ाने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में, राज्य में लगभग 28 प्रतिशत हरित आवरण है और प्रदेश सरकार ने वर्ष 2030 तक इसे बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए लिए जाईका द्वारा वित्त पोषित वानिकी और एनआरएम परियोजनाओं ने राज्य में हरित क्षेत्र को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पिछले दो वर्षों में, उन्नत तकनीकों की मदद से 4 हजार 600 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर पौधारोपण किया गया है। सामुदायिक और वानिकी उद्देश्यों के लिए परियोजनाओं के माध्यम से उच्च गुणवता वाली पौध तैयार करने तथा 60 लाख से अधिक महत्वपूर्ण गुणवतापूर्ण प्रजातियों के पौधे विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त, राज्य भर में 72 नर्सरी का नवीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे कृषि प्रधान राज्य में वन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश की अधिकांश आबादी अपनी आजीविका और अन्य रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए वन संसाधनों पर अधिक निर्भर है। जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हांेने पर्यावरण हितैषी संसाधनों और समाधानों की खोज तथा वन संपदा को संरक्षित एवं बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने सात जिलों में 460 ग्राम वन विकास समितियों (वीएफडीएस) और 900 से अधिक स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के गठन के माध्यम से संयुक्त वन प्रबंधन गतिविधियों के सुदृढ़ीकरण के लिए परियोजना के प्रयासों की सराहना की। परियोजना में वन आधारित समुदायों और वन विभाग के कर्मचारियों के लिए कौशल उन्नयन और क्षमता निर्माण को भी प्राथमिकता दी गई है। जलवायु परिवर्तन और अन्य आपदाओं से उत्पन्न जोखिमों को कम करने के उद्देश्य से 15 हजार से अधिक व्यक्तियों को आजीविका गतिविधियों और वनों के सुधार के दृष्टिगत प्रशिक्षित किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के फतेहपुर ब्लॉक के रियाली तहसील के अंतर्गत स्थति राजकीय सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के बच्चों ने तंबाकू की रोकथाम से जुड़े कोटपा कानून के बारे जागरूकता रैली निकाली। यह रैली नाडा इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में निकाली गई। रियाली विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं स्काउट एंड गाइड यूनिट के सहयोग से यह रैली आयोजित की गई। रैली के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को आगाह किया गया। विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त होने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ ने जीवन में तंबाकू का प्रयोग नहीं करने का वचन लिया। इस अवसर पर स्कूल के प्रिंसिपल कमल किशोर शर्मा ने कहा कि हर साल तंबाकू के इस्तेमाल से 13 लाख लोग अपनी जान से हाथ धो बैठते हैं, जो कि चिंता का विषय है। तंबाकू उद्योग का लक्ष्य युवा वर्ग एवम बच्चे होते हैं। इस कारण तंबाकू से दूर रहने के लिए जागरूकता कार्यकर्मो का महत्व है। संस्कृत के अध्यापक शास्त्री राजनय तिवारी ने जानकरी देते हुए कहा कि स्कूल के 100 गज क्षेत्र में तंबाकू उपयोग को लेकर वैधानिक चेतावनी बोर्ड लगे हैं। सामयिक मीटिंग में स्थानीय दुकानदारों को शामिल किया जाता है। पंचायत को इसकी साथ जानकारी दी जाती है। स्कूल के स्काउट गाइड के साथ तंबाकू उत्पादों के ऊपर निकाली गई रैली में 'युवा जागेगा तंबाकू भागेगा' नारे का महत्व रेखांकित किया गया। विद्यार्थियों की भागीदारी से तंबाकू की रोकथाम की दिशा में एक सराहनीय पहल ली गई। जागरुकता रैली में कुल 200 विद्यार्थियों समेत समस्त स्कूल स्टाफ ने भाग लिया। नाडा इंडिया युवा नेटवर्क के सदस्यों ने इसमें बढ़ चढ़कर साथ दिया। कोटपा अधिनियम 2003 एवम विश्व तंबाकू निषेध दिवस के तहत नाडा इंडिया फाउंडेशन ने युवाओं के माध्यम से प्रदेश स्तरीय इस कैंपेन की शुरुआत शिक्षा विभाग के सहयोग से की है। इसका मुख्य उद्देश्य कैंपस में स्वास्थ को सुनिश्चित करना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के संदेश जन जन में ले जाने का काम हो रहा है। स्वास्थ मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आगामी 31 मई विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर देश भर में कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला छुद्रा में अध्यापकों के रिक्त पदों को भरने के लिए ग्रामीणों ने आवाज बुलंद की है। इस समस्या के निवारण को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन को ज्ञापन भी सौंपा है। प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने कहा कि बीते लंबे समय से स्कूल में अधिकतर महत्वपूर्ण पद खाली हैं। इस कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। उन्होंने रोते हुए कहा कि अध्यापकों के न होने से कई विद्यार्थी स्कूल से पलायन भी कर चुके हैं। वर्तमान में स्कूल में 22 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। हालांकि एसएमसी की ओर से अपने खर्च पर शिक्षकों की नियुक्ति की गई थी। लेकिन धन के अभाव में यह व्यव्स्था अधिक समय तक नहीं हो पाई। गत 18 मई से विद्यार्थियों ने स्कूल जाना भी बंद कर दिया है। एसएमसी द्वारा आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि जब तक शिक्षकों की स्थाई नियुक्ति नहीं होती तब तक विद्यार्थियों को स्कूल नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने उपायुक्त से जल्द से जल्द इस समस्या का निवारण करने की मांग उठाई साथ ही स्पष्ट किया है कि स्थाई नियुक्ति न होने तक विद्यार्थी स्कूल नहीं जाएंगे।
भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार बुधवार को ब्लॉक स्तर पर अखिल भारतीय क्विज वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में जिला सोलन के अग्रणी बैंक यूको बैंक द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रधानाचार्य बीएस ठाकुर व जिला अग्रणी यूको बैंक सोलन प्रबंधक तमन्ना मोदगिल ने की। प्रतियोगिता का संचालन ताशी नेगी वरिष्ठ प्रबंधक अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय यूको बैंक सोलन ने किया। इस प्रतियोगिता में विकास खण्ड कुनिहार के कक्षा 8 वीं से 10 वीं तक के 23 सरकारी स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में बातल स्कूल के नमन शर्मा व छवी शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, दूसरे स्थान पर रावमापा डूमेहर की दीक्षा व कुशल रहे तो तीसरा स्थान नवगावं की महक व कशिश ने प्राप्त किया। सभी विजेताओं को बैंक की तरफ से 5 हजार, 4 हजार व 3 हजार तथा मोमेंटो व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। ताशी नेगी ने बताया कि अब ये बच्चे जिला स्तर पर प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
हिमाचल प्रदेश पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन की कार्यकारी समिति की एक बैठक हुई। इसमें प्रदेश में पावर सेक्टर में हो रही गतिविधियों पर चर्चा हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि हिमाचल प्रदेश पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन वर्तमान में या भविष्य में होने वाली किसी भी अनबंडलिंग का विरोध करेगी। 2010 में भी पावर इंजिनीयर्स ने HPSEB के विघटन का विरोध किया था। पावर इंजीनियर्स और एम्प्लोईस यूनियन के विरोध से हिमाचल प्रदेश में HPSEBL अपने आपको अपने पुराने रूप मे कायम रख पाया था और इसका सीधा फायदा प्रदेश के लोगों को सस्ती बिजली के रूप में पिछले कई सालों से मिल रहा है। अगर HPSEBL से ट्रांसमिशन या जेनेरशन सेट्स बाहर किए जाते हैं तो प्रदेश के लोगों को बिजली काफी महंगे दर से मिलेगी और यह HPSEBL के अस्तित्व को भी अंधेरे के गर्भ में डाल देगा। इसमें यह देखा गया है कि कुछ लोग अपने निहित स्वार्थ के लिए प्रदेश में HPSEBL के विघटन को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन ऐसी ताकतों का विरोध करेगी। इसके अलावा HPSEBL में OPS लागू करने में हो रहे विलंब पर भी चर्चा हुई। जहां एक और प्रदेश सरकार के OPS लागू करने के फैसले का हिमाचल प्रदेश पावर इंजीनियर्स ने स्वागत किया, वहीं HPSEBL में इसे लागू करने में हो रहे विलंब पर चिंता जताई।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ की प्रदेश पदाधिकारियों की एक ऑनलाइन बैठक 23 मई को हुई, जिसमे बोर्ड प्रबंधन द्वारा विद्युत बोर्ड में पुरानी पेंशन को लागू करने में की जा रही अनावश्यक देरी पर चर्चा की गई। तकनीकी कर्मचारी संघ ने पहले इस विषय पर बोर्ड के प्रबंध निदेशक से वार्ता की थी, उन्होंने सर्विस कमिटी में इस विषय पर समाधान की बात कही थी, परंतु सर्विस कमिटी ने इस पर चर्चा न करके कर्मचारियों को निराश किया है। इस बारे में संघ ने मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को पत्र के माध्यम से भी आग्रह किया गया था कि विद्युत बोर्ड प्रबंधन वर्ग को विद्युत बोर्ड के सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाल करने के आदेश जारी करे। संघ ने उसके उपरांत प्रेस के माध्यम से भी बोर्ड प्रबंधन को पुरानी पेंशन लागू न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। तकनीकी कर्मचारी संघ की बैठक में फैसला लिया गया है कि पुरानी पेंशन विद्युत बोर्ड के सभी कर्मचारियों के हितों से जुड़ा एक साझा मुद्दा है इसलिए तकनीकी कर्मचारी संघ 25 मई को पुरानी पेंशन बहाली हेतु कुमार हाउस में प्रस्तावित धरने का भरपूर समर्थन करती है और पूरे प्रदेश के विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी धरने में शामिल होंगे और इस बारे में सभी जिलों, यूनिटों और कार्यसमिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिए गए हैं संघ के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण कपटा ने कहा है की तकनीकी कर्मचारी संघ विद्युत बोर्ड के विघटन करने का विरोध करता है और करता रहेगा। उन्होंने कहा है की अन्य संगठनों को ये भी ध्यान के रखना चाहिए कि 2010 में जब ये त्रिपक्षीय समझौता हुआ था, उसमें तकनीकी कर्मचारी संघ की अहम भूमिका रही है और आने वाले समय में भी विधुत प्रबंधन वर्ग अगर विद्युत बोर्ड के विघटन की ओर बढ़ता है तो तकनीकी कर्मचारी संघ संघर्ष की ओर कदम बढ़ाएगा ।
विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत कोठी के गांव नमोल में मंगला माता मंदिर परिसर में कुश्ती मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला कमेटी के प्रधान इंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मेला शनिवार 27 मई को मंगला माता मंदिर परिसर में आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय पहलवानों सहित बाहरी राज्यों के नामी पहलवान व सहित महिला पहलवान भी भाग लेंगे। मेले की सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। 27 मई को सुबह मंदिर में दलिये का प्रसाद बनाकर वितरित किया जाएगा। शाम को अखाड़ा पूजन कर विशाल दंगल आयोजित होगा। कमेटी ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि इस कुश्ती मेले में बढ़चढ़ कर भाग लेकर मेले की शोभा बढ़ाएं।
चंबा- भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर लाहल के समीप एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार चालक की मौके पर मौत हो गई है। मृतक की पहचान सुभाष कुमार पुत्र पर परोजा राम निवासी गांव मलकोता डाकघर व तहसील भरमौर जिला चंबा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। साथ ही पुलिस थाना भरमौर में मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार सुभाष कुमार किसी कार्य के चलते खड़ामुख गया हुआ था। मंगलवार देर शाम वह अपनी सेंट्रो कार नंबर एचपी -46ए-1067 में सवार होकर वापस घर की ओर जा रहा था। इसी बीच लाहल ढांक के समीप काली माता मंदिर के पास कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नदी में समा गई। अंधेरा होने के कारण किसी को हादसे की भनक नहीं लगी। देर शाम तक उसके घर न लौटने और फोन पर कोई संपर्क न होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। बुधवार सुबह एक बार फिर उसे ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इसी बीच सुबह समय करीब 7:30 बजे लोगों को कार नदी में दिखाई दी। पुलिस को तुरंत सूचित किया गया और सूचना मिलते ही पुलिस दल भी मौके पर पहुंचा। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सुभाष कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार धीमान ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
शिमला के ऐतिहासिक भवन बैंटनी कैसल का जीर्णोद्धार लगभग पूरा होने को है। मंगलवार शाम को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री परिवार सहित बैंटनी कैसल में आयोजित होने वाले डिजिटल लाइट एंड साउंड शो का ट्रायल देखने पहुंचे। शिमला के ऐतिहासिक भवन बैंटनी कैसल में लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से ब्रिटिश काल से लेकर शिमला में अब तक हुए बदलाव को दिखाया जा रहा है। 25 मई तक लाइट एंड साउंड शो का ट्रायल किया जा रहा है इसके बाद लोगों को टिकट लेकर शो दिखाया जाएगा। इस शो में ब्रिटिश काल से लेकर अब तक राजधानी में हुए बदलाव और बैंटनी कैसल के इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को दिखाया जा रहा है। शो में दिखाया जा रहा है कि जब से बैंटनी कैसल की ऐतिहासिक इमारत बनी है, उसके बाद से अब तक इसके आसपास के इलाके सहित पूरे शिमला में क्या बदलाव देखने को मिला है। शो दो शिफ्टों में आधे-आधे घंटे के लिए दिखाया जाएगा। डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विदेशों में इस तरह के आयोजन 1950 से होते आए हैं शिमला में पहली दफा इस तरह का प्रयास किया जा रहा है जिससे शिमला के स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए बैंटनी कैसल एक आकर्षक स्थल बनकर उभरेगा। बैंटनी कैसल में म्यूजियम और कैफेटेरिया बनाना प्रस्तावित है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल नेे कहा कि शहीदी दिवस के आयोजन के माध्यम से आज पूरा देश धर्म निरपेक्ष विचारधारा को आत्मसात कर रहा है। डाॅ. शांडिल आज सोलन ज़िला के कण्डाघाट स्थित गुरूद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा में सिक्खों के पंचम गुरू श्री अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के आयोजन के अवसर पर उपस्थित संगत को सम्बोधित कर रहे थे। डाॅ. शांडिल ने इससे पूर्व गुरूद्वारा साहिब में शीश नवाया और सभी की प्रसन्नता एवं समृद्धि की कामना की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि श्री गुरु अर्जन देव जी ने समाज के हित एवं सभी की सुरक्षा के लिए अपनी कुर्बानी दी थी। उन्होंने कहा कि उनके शहीदी पर्व के आयोजन से हम सभी को सामाजिक हित में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने की सीख मिलती है। उन्होंने कहा कि हम सभी को यह स्मरण रखना होगा कि धर्म निरपेक्ष समाज की जिस परिकल्पना को साकार करने के लिए गुरु अर्जन देव जी शहीद हुए उस विचारधारा को हम सभी जन-जन तक पहंुचाएं। उन्होंने कहा कि सभी को अपने देश व कौम के लिए सर्वत्र बलिदान देने के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए। डाॅ. शांडिल ने इस अवसर पर गुरूद्वारा परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि गुरूद्वारा साहिब कंडाघाट को धरोहर में शामिल करने एवं इसके रखरखाव के लिए उचित सहायता उपलब्ध करवाने का मामला संबंधित विभाग से उठाया जाएगा। गुरूद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा कंडाघाट के प्रधान गुरमीत सिंह ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर गुरूद्वारा साहिब में अखंड पाठ कीर्तन दरबार सहित अन्य आयोजन किए गए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, खंड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, जोगेंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रधान अनुराग शर्मा, गुरूद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कंडाघाट के प्रधान गुरमीत सिंह, उपमंडलाधिकारी कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा भक्तजन उपस्थित थे।
राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी 25 मई को सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। जगत सिंह नेगी 25 मई को प्रातः 11.30 बजे सोलन के कोठों स्थित सभागार में स्वर्णिम हिमाचल जन जागरण समिति द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम ‘स्नेह मिलन कार्यक्रम-2023’ में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। वह तदोपरांत जनसमस्याएं भी सुनेंगे।
राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण से पूरे देश में उत्कृष्ट सरकारी स्कूलों का एक सफल मॉडल विकसित होगा। जिला कांगड़ा के दौरे पर पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज जिले के विभिन्न क्षेत्रों में डे-बोर्डिंग स्कूलों के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण करते हुए यह शब्द कहे। इस दौरान कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, विधायक फतेहपुर भवानी पठानिया, विधायक शाहपुर केवल सिंह पठानिया और विधायक इंदौरा मलेंद्र राजन भी साथ रहे। रोहित ठाकुर ने आज जवाली विधानसभा के ठंगर, शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के डोहब और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के मंजार में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सुक्खू के निर्देशानुसार वे जिला कांगड़ा में डे-बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण के लिए चयनित भूमि के निरीक्षण के लिए दौरे पर आए हैं। उन्होंने बताया कि जवाली विधानसभा के अन्तर्गत ठंगर में लगभग 53 कनाल और शाहपुर के डोहब में लगभग 76 कनाल भूमि डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए चिन्हित कर ली गई है। उन्होंने बताया कि इन दोनों स्थानों में बहुत जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। वहीं फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के मंजार में डे-बोर्डिंग स्कूल के निर्माण के लिए लगभग 80 कनाल भूमि उन्होंने आज देखी। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के नाम होने के बाद यहां भी डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण शुरु कर दिया जाएगा। विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगे डे-बोर्डिंग स्कूल रोहित ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के बच्चों के लिए शिक्षा के उत्कृष्ट केंद्र विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में बनने वाला डे-बोर्डिंग स्कूल विश्वस्तरीय व्यवस्थाओं से लैस होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार लगभग 100 कनाल भूमि पर लगभग 70 करोड़ की लागत से इन स्कूलों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुरुआती दौर में इन स्कूलों में पांचवी कक्षा तक पढ़ाई करवाई जाएगी। उसके बाद चरणबद्ध तरीके से इन्हें बारहवीं कक्षा तक स्तरोन्नयन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को हर सुविधा उपलब्ध हो इसलिए इनका निर्माण जिला या उपमंडल मुख्यालय के 5 किलोमीटर रेडियस में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विकास को गति देने के लिए कर्मचारियों और आम आदमी से सहयोग का आग्रह किया जिला कांगड़ा दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। धर्मशाला स्थित मिनी सचिवालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने कांगड़ा जिला की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के बारे में अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को विकास परियोजनाओं के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने से यहां पर पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी जिससे राज्य सरकार के राजस्व में बढ़ोतरी होगी और स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगेे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सभी प्रयासों के परिणाम आगामी तीन वर्षों के भीतर सामने आएंगे। बैठक के दौरान ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य की ऋण सीमा को 5,500 करोड़ रुपये कम करने के बावजूद प्रदेश सरकार ने कांग्रेस पार्टी के प्रतिज्ञा-पत्र को अक्षरशः पूरा करते हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन को बहाल किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने संसाधनों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी के अनुरूप जल-उपकर लगाने का निर्णय लिया गया है और राज्य की 87 परियोजनाओं को इस अधिनियम के तहत पंजीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि शराब की दुकानों की नीलामी के निर्णय के परिणामस्वरूप राजस्व में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रदेश को विकास पथ पर आगे ले जाने के लिए राज्य सरकार के दृढ़ निश्चय पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की। उन्होंने हरित ऊर्जा, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में राज्य सरकार के महत्त्वपूर्ण सुधारों के बारे में भी चर्चा की। राज्य के लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें, इसके लिए प्रशासनिक सुधार भी किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनका इरादा केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन सुनिश्चित करना है ।
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि छात्रों को अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए प्रदेश के सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में चरणबद्ध आधार पर पुस्तकालय कक्ष स्थापित किए जाएंगे। संजय अवस्थी आज सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमति के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमती में 1.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विज्ञान खण्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने इस अवसर पर विद्यालय में बहुउद्देशीय मंच निर्मित करने के लिए 14 लाख रुपये, भूमति चौक पर सभी की सुविधा के लिए सार्वजनिक पार्किंग निर्मित करने के लिए 02 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्य संसदीय सचिव ने कार्यक्रम में विधिक संस्कृति को दर्शाते रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने छात्रों के लिए 11 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवा शक्ति की असीमित ऊर्जा के समुचित दोहन के लिए कार्य कर रही है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए ग्राम स्तर पर गुणवत्तायुक्त शिक्षा सुविधाएं प्रदान करने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हंै। इस योजना के कार्यन्वयन पर 300 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। सोलन ज़िला में भी इन विद्यालयों की स्थापना के लिए सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में भूमि का चयन किया जा चुका है। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि वार्षिक समारोह एक छात्र के जीवन में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यह दिवस जहां विभिन्न विजेताओं को और अच्छा करने के लिए प्रेरित करता है वहीं अन्य छात्रों को अपनी कमियों को सुधारने का अवसर भी देता है। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि शिक्षा के माध्यम से अपने लक्ष्य को पाने के लिए समर्पण के साथ प्रयास करें। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि नशे से दुष्प्रभावों से दूर रहें। उन्होंने मेधावी छात्रों एवं खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए आशा जताई कि इनकी उपलब्धियां अन्य छात्रों को बेहतर करने के लिए प्रेरित करेंगे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भूमति के प्रधानाचार्य हेम राज गौड़ ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, खण्ड महिला कांग्रेस अर्की की अध्यक्ष बिमला ठाकुर, नगर पंचायत अर्की की पूर्व अध्यक्ष सीमा शर्मा, बीडीसी बलेरा सदस्य शशिकांत, बीडीसी भूमति सदस्य आशा शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऋषि देव, कर्मचारी नेता जयनंद, मस्त राम, ग्राम पंचायत भूमति के प्रधान योगेश गौतम, ग्राम पंचायत जलाणा की प्रधान सुनीता गर्ग, ग्राम पंचायत चमयावल की प्रधान उर्मिला ठाकुर, युवा कांग्रेस के हेमंत कुमार, कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी अर्की याविन्द्र पाॅल, उप निदेशक उच्च शिक्षा जगदीश नेगी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, अन्य गणमान्य व्यक्ति, छात्र तथा अभिभावक उपस्थित थे।
इंदौरा-पठानकोट वाया डाह कुलाड़ा मुख्य सड़क मार्ग पर पिछले कुछ दिनों से रात के समय अज्ञात लोगों द्वारा पोल्ट्री फार्म के मृत मुर्गे व अन्य गंदगी जगह-जगह फेंके जाने से लोगों को कई जगह पर गंदगी व बदबू की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इससे जहां बीमारी भी फैलने का डर है तथा अराजकता भी फैल रही है। आज ग्राम पंचायत राजाखासा के गांव चंगराड़ा में मुख्य मार्ग पर बड़ी बंद बोरी से फैली बदबू ने कुछ बड़ा मृत होने से यहां दहशत पैदा कर दी तो गांव के सुशील कुमार, अमृत लाल, सर्वजीत कटोच, नितिन ठाकुर, कुलविंदर शर्मा आदि लोगों ने पुलिस को सूचित किया तब पुलिस टीम ने बोरी को काट कर देखा तो उसमें भी मृत मुर्गे ही पाए गए, जिन्हें जे सी बी से गड्डा निकाल कर दबाया गया। इस संदर्भ में थाना प्रभारी इन्दौरा कुलदीप शर्मा ने बताया कि सभी निकतबर्टी पंचायतों में चल रहे पोल्ट्री फार्म की जानकारी मांगी है व इधर उधर मृत मुर्गे आदी गंदगी फैला रहे शरारती तत्वों को चेताया है कि सुधर जाएं वर्ना ऐसा करने पर अगर जो भी पकड़ा जाता है उसे बक्श नहीं जाएगा व उसके खिलाफ बनती कड़ी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
सोलन जिले में बढ़ रहे खनन मामलों पर खनन विभाग के अधिकारी नियमित कार्रवाई कर रहे हैं। सोलन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गत वर्ष 1 अप्रैल, 2022 से 31 मार्च, 2023 तक खनन के 494 मामलों में विभाग ने कार्रवाई करते हुए 25 लाख 34 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला है। एक वर्ष में विभाग ने खनन के 26 मामले कोर्ट में फाइल किए थे, इसमें से 17 का निर्णय हो गया है। कोर्ट ने दोषियों पर एक लाख चार हजार पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया है। जिला खनन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि जिला सोलन के बीबीएन, कंडाघाट व सोलन में खनन से प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए विभाग ने विभिन्न विभाग को साढ़े छह करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह राशि डिस्ट्रिक मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से जारी की गई है।। इससे खनन प्रभावित क्षेत्रों में 129 प्रकार के प्रोजेक्ट पर कार्य किया जाएगा। खनन प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, डंगे लगाने के साथ कई तरह के विकास कार्य इस फंड के माध्यम से हो सकेंगे। इसके अलावा सोलन जिले में खनन मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। विभाग भी नियमित कार्रवाई कर रहा है। खनन रोकने के लिए विभाग रात को दबिश दे रहा है।
सोलन जिले में बढ़ रहे खनन मामलों पर खनन विभाग के अधिकारी नियमित कार्रवाई कर रहे हैं। सोलन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में गत वर्ष 1 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 तक खनन के 494 मामलों में विभाग ने कार्रवाई करते हुए 25 लाख 34 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूला है। एक वर्ष में विभाग ने खनन के 26 मामले कोर्ट में फाइल किए थे, इसमें से 17 का निर्णय हो गया है। कोर्ट ने दोषियों पर एक लाख चार हजार पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया है। जिला खनन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि जिला सोलन के बीबीएन, कंडाघाट व सोलन में खनन से प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए विभाग ने विभिन्न विभाग को साढ़े छह करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह राशि डिस्ट्रिक मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से जारी की गई है।। इससे खनन प्रभावित क्षेत्रों में 129 प्रकार के प्रोजेक्ट पर कार्य किया जाएगा। खनन प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, डंगे लगाने के साथ कई तरह के विकास कार्य इस फंड के माध्यम से हो सकेंगे। इसके अलावा सोलन जिले में खनन मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। विभाग भी नियमित कार्रवाई कर रहा है। खनन रोकने के लिए विभाग रात को दबिश दे रहा है।
उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर के नवगठित न्यास की आम बैठक एवं वार्षिक बजट बैठक मंगलवार को दियोटसिद्ध में आयोजित की गई, जिसमें स्थानीय विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, न्यास के अध्यक्ष एवं बड़सर के एसडीएम रोहित शर्मा, अन्य अधिकारी तथा न्यास के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास और इससे संबंधित अन्य संस्थानों से संबंधित कई मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर न्यास के गैर सरकारी सदस्यों ने निर्णय लिया कि वे न्यास से कोई मानदेय नहीं लेंगे तथा बाबा बालक नाथ मंदिर एवं इससे संबंधित संस्थानों में बेहतरीन सुविधाओं के प्रावधान की दिशा में लगातार कार्य करेंगे। गैर सरकारी सदस्यों के इस निर्णय की सराहना करते हुए विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि बाबा बालक नाथ मंदिर में केवल हिमाचल प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों तथा विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। इनकी बाबा बालक नाथ के प्रति गहन आस्था है। विधायक ने कहा कि देश-विदेश के श्रद्धालुओं को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाना, मंदिर परिसर और इसके आस-पास के क्षेत्र का चहुमुखी विकास तथा न्यास से संबंधित संस्थानों में आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान करना न्यास के प्रत्येक सदस्य की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि बाबा बालक नाथ मंदिर परिसर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक की मदद से 65 करोड़ रुपये की परियोजना मंजूर की गई है। इससे दियोटसिद्ध और इसके आस-पास के क्षेत्रों का चहुमुखी विकास सुनिश्चित होगा। बैठक में मंदिर परिसर में सोलर पैनल एवं लाइट्स लगाने, बड़सर से दियोटसिद्ध सडक़ पर भी महत्वपूर्ण स्थानों पर सोलर लाइट्स लगाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बड़सर, सलौणी, बिझड़ और चकमोह पंचायत में शौचालय एवं स्नानगृहों का निर्माण करवाने का निर्णय लिया गया। न्यास के पदाधिकारियों ने गरीब परिवारों के बच्चों की शादी के लिए दी जाने वाली सहायता राशि 11 हजार रुपये से बढ़ाकर 15 हजार रुपये करने और गरीबों के लिए मेडिकल सहायता साढे सात हजार रुपये से बढ़ाकर दस हजार रुपये करने को स्वीकृति प्रदान की। कैंसर या अन्य गंभीर रोगों से ग्रस्त लोगों को साल में दो बार सहायता राशि जारी करने का निर्णय भी लिया गया। न्यास ने टीबी मुक्त अभियान के तहत जिला में टीबी के 50 रोगियों को गोद लेने को भी मंजूरी प्रदान की। बैठक में कई अन्य मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा की गई। न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम रोहित शर्मा और मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी ने इन मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास की सदस्य अरविंदर कौर डोगरा, कृष्ण चौधरी, कैप्टन सुरेंद्र सोनी, हरिकृष्ण, धनीराम संगर, पुरषोत्तम चंद, रोशन चौधरी, रौनकी राम, मनोज शर्मा, भरत अरुण राय, राजेश बनयाल, राकेश रत्न, विशेष आमंत्रित सदस्य अमी चंद शर्मा, नितिन शर्मा, विजय ढटवालिया, विपिन ढटवालिया, कुलदीप कुमार, पवन शर्मा, रमेश शर्मा, किशोरी लाल, समीर सेन, योगराज कालिया, संजय शर्मा, केवल धीमान, राजीव पटियाल, सुनील कुमार, कर्नल पीसी अत्री, सुशील शर्मा, डैनी जसवाल, विशाल राणा, भगवान दास गर्ग और सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज कांगड़ा जिले में तीन ग्रीन कॉरिडोर के विकास के दृष्टिगत आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। प्रस्तावित गलियारों में परवाणु-नालागढ़-ऊना-हमीरपुर-संसारपुर टैरेस, बिलासपुर-हमीरपुर-कांगड़ा और मंडी-धर्मशाला-कांगड़ा शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन कॉरिडोरों पर इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान करने और विद्युत चालित वाहनों के लिए चार्जिंग संबंधी बुनियादी ढांचे तक सुविधाजनक पहुंच सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने ईवी उपयोग को सुविधाजनक बनाने के लिए शहरों के भीतर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के महत्त्व पर भी बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इलेक्ट्रिक वाहनोें की इस लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका होगी। इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश मंत्रिमंडल ने हाल ही में राजीव गांधी स्वरोजगार योजना-2023 को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत ई-टैक्सियों, ई-बसों और ई-ट्रकों की खरीद पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस योजना के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों को अगले 10 दिनों के भीतर हितधारकों के साथ एक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इलेक्ट्रिक वाहनों केे पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत कर धीरे-धीरे सभी सरकारी वाहनों को ईवी में परिवर्तित करना सरकार का लक्ष्य है। राजीव गांधी स्वरोजगार योजना, स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के नवीन अवसर प्रदान करने के साथ-साथ सरकारी विभागों को इलेक्ट्रिक वाहन सेवा प्रदाताओं की सेवाएं लेने में सहायक सिद्ध होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ई-वाहनों को बढ़ावा देकर सुलभ व सशक्त परिवहन सुविधा प्रदान करने और कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अपनाकर हिमाचल हरित ऊर्जा के क्षेत्र में नेतृत्व और धरती के स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य में योगदान देना चाहता है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला में जिला कांगड़ा को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए कार्यान्वित की जा रही पर्यटन और अन्य प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा जिला में जल, साहसिक, धार्मिक और स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा दे रही है और इससे संबंधित आधारभूत ढांचा विकसित करने के लिए लगभग 3000 करोड़ व्यय किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए हवाई संपर्क आवश्यक है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार और रक्कड़ तथा पालमपुर में हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पारंपरिक पर्यटन स्थलों के जीर्णोंद्धार पर दृढ़ता से कार्य कर रही है और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ट्रैकिंग रूट्स की पहचान करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने परियोजना को समय सीमा के भीतर पूरा करने और एफसीए (वन संरक्षण अधिनियम) और एफआरए (वन अधिकार अधिनियम) की मंजूरियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के रनवे की लंबाई पहले चरण में कुल 1900 मीटर और दूसरे चरण में 3010 मीटर तक बढ़ाने की योजना है, जोकि ए-320 प्रकार के विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त होगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण के लिए अधिग्रहण की कुल लागत 572.07 करोड़ रुपये है और एसआईए रिपोर्ट 9 मई, 2023 को प्राप्त की गई है। उन्होंने कहा कि रक्कड़ और पालमपुर में हेलीपोर्ट के विकास के लिए साइटों की पहचान कर ली गई है। रक्कड़ हेलीपोर्ट की अनुमानित लागत 6.66 करोड़ रुपये और पालमपुर हेलीपोर्ट की 9 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ज्वालाजी में हेलीपोर्ट के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि मटौर-शिमला और पठानकोट-मंडी राजमार्गों को सुविधाजनक बनाने के लिए 5 मीटर की मध्यम चौड़ाई के साथ चार लेन तक विस्तारित किया जाएगा। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि धर्मशाला में 130 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से एक अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर प्रस्तावित है और यह जिला कांगड़ा में सम्मेलन पर्यटन को प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए 2.19 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरोटा में प्रस्तावित वेलनेस रिजॉर्ट और हाई एंड इंटरनेशनल फाउंटेन के लिए 5.75 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है और यहां एक कृत्रिम झील का निर्माण भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विरासत गांव गरली में एक गोल्फ कोर्स का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो लगभग 318 कनाल भूमि में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सकोह में आइस स्केटिंग रिंक और रोलर स्केटिंग रिंक के लिए दो हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। परियोजना को व्यवहार्य बनाने के लिए 12 कनाल अतिरिक्त भूमि की पहचान की गई है और एशियाई विकास बैंक द्वारा विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि नरघोटा में पर्यटन गांव बनाने का प्रस्ताव है और इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। जिस स्थान पर पर्यटक गांव का निर्माण प्रस्तावित है, वहां हिमुडा के पास 25 हेक्टेयर भूमि है। हिमुडा की भूमि के समीप निजी भूमि का भी अधिग्रहण प्रस्तावित है, जिसकी पहचान भी कर ली गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पालमपुर के समीप डेस्टिनेशन रिजॉर्ट का निर्माण करने के लिए मैंझा में भूमि चिन्हित कर पर्यटन विभाग को हस्तांतरित कर दी गई है। पालमपुर और नगरोटा बगवां नगरों में विकास के दृष्टिगत सौंदर्यीकरण की परियोजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। पालमपुर शहर के सौंदर्यीकरण के तहत 58 करोड़ रुपये की कुल लागत से एचआरटीसी बस स्टैंड के पास एक बहुस्तरीय पार्किंग का निर्माण, पुरानी सब्जी मंडी के पास एक पार्किंग, भंडारण एवं वर्षा जल संचयन सुविधाएं, एक पर्यटक स्वागत केंद्र, सड़कों और गलियों का सौंदर्यीकरण व उन्नयन, न्यूगल कैफे का जीर्णोद्धार, तथा लैंडस्केप संवर्धन कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नगरोटा बगवां सौंदर्यीकरण परियोजना के तहत पुराने बस स्टैंड, गांधी मैदान, नारदा शारदा मंदिर, मटौर गार्डन और बरोह का सौंदर्यीकरण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौंग बांध में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना पर भी कार्य चल रहा है। अपेक्षाकृत उथले पानी के लिए जाना जाने वाला नंगल चौक क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के विकास के दृष्टिगत वन्यजीव अभयारण्य से बाहर रखा जाएगा। इस हब में गर्म हवा के गुब्बारे, जेटी, एंगलिंग केन्द्र, एंगलर हट्स, पैडल बोट और पेंटबॉल और रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों के साथ एक मनोरंजन पार्क जैसी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध होंगी। डाडासीबा में नंगल चौक क्षेत्र पंजाब की ओर से सुलभ है। यह पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य क्षेत्र है। धमेटा क्षेत्र से सटे मथियाल और कठरा खास, जल साहसिक खेलों और प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए उपयुक्त स्थान हैं। इन क्षेत्रों को मोटरबोट की सवारी, क्रूज़, नौका अनुभव और रोमांचकारी राइड के लिए विकसित किया जा सकता हैै। उन्होंने एक बारहमासी नाले के साथ-साथ 1.2 किलोमीटर तक फैली एक कृत्रिम झील बनाने के लिए एक उपयुक्त स्थान की पहचान करने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने देहरा विधानसभा क्षेत्र के बनखंडी क्षेत्र में प्राणी उद्यान की योजना पर भी चर्चा की। 195 हेक्टेयर भूमि पर बनने वाले इस पार्क का उद्देश्य आगंतुकों को बेहतरीन अनुभव प्रदान करना है। यह उम्मीद है कि मोनोरेल से जंगली प्राणी दिखाई देंगे और उन्हें खुले बाड़ों में रखा जाएगा। पार्क के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) से जून माह तक अनुमति प्राप्त होने की उम्मीद है। इसके प्रथम चरण के विकास में लगभग 260 करोड़ रुपये व्यय होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत संस्थागत देखभाल की आवश्यकता वाले लोगों के लिए एकीकृत केंद्र का निर्माण भी प्रस्तावित है। यह ज्वालामुखी विधानसभा क्षेत्र की लूथन पंचायत में लगभग 120 कनाल भूमि पर बनाया जाएगा। इसको स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए मुख्यमंत्री ने सलाहकार नियुक्त करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण की भी समीक्षा की। मंत्रिमण्डल ने कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर, पालमपुर, शाहपुर, नगरोटा बगवां, जवाली और जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में इन स्कूलों के निर्माण को मंजूरी दी है। बैठक में उपस्थित विधायकों ने कांगड़ा जिला को राज्य की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित के लिए बहुमूल्य सुझाव भी दिए। कृषि मंत्री चंद्र कुमार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली, मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल और किशोरी लाल, विधायक सुधीर शर्मा, भवानी सिंह पठानिया, केवल सिंह पठानिया, संजय रत्न, यादवेंद्र गोमा और मलेंद्र राजन, प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय महाजन, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, जिला के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से ऐसे पाठ्यक्रम आरंभ करने जा रही है जो युवाओं को आवश्यक कौशल प्रदान कर भविष्य की चुनौतियों से निपटने में सक्षम बनाएंगे। डॉ. शांडिल आज औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन में 31वीं राज्य स्तरीय पुरूष सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित छात्रों और अन्य को संबोधित कर रहे थे। इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों के 359 छात्र भाग ले रहे हैं। डॉ. शांडिल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के समय में तकनीकी शिक्षा पाठ्यक्रम में गुणात्मक सुधार लाकर ही युवाओं को और बेहतर रोजगार प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए इस वर्ष से प्रदेश के 11 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में ड्रोन सेवा तकनीशियन पाठ्यक्रम आरम्भ करेगी। उन्होंने कहा कि इसके साथ प्रदेश के 13 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में इलेक्ट्रिक वाहन मैकेनिक, रखरखाव मैकेनिक, सौर ऊर्जा तकनीशियन इत्यादि के पाठ्यक्रम आरम्भ करेगी। उन्होंने कहा कि यह सभी पाठ्यक्रम युवाओं को रोज़गार और स्वरोज़गार के बेहतर अवसर दिलवाने में सहायक सिद्ध होंगे। डॉ. शांडिल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित की और आशा जताई कि यह तीन दिवसीय प्रतियोगिता छात्रों को भविष्य का उत्तरदायी नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से सांस्कृतिक कार्यक्रम देने वाले छात्र-छात्राओं को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। वहीं, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सोलन के प्रधानाचार्य ललित कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रदेश में 290 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान कार्यरत हंै। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में इस समय 22 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छात्रों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इनमें से 10 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा 12 गैर-सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हैं। इन संस्थानों में 28308 प्रशिक्षु शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस अवसर पर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी किन्नौर सीमा गुप्ता ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि जिला रोजगार कार्यालय किन्नौर द्वारा एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए बिलासपुर के लिए 150 सुरक्षा प्रहरी के पद भरे जाने हैं, जिसके तहत जिला रोजगार कार्यालय रिकांग पिओ में 24 व 25 मई, 2023 को प्रातः 11ः30 से 2ः00 बजे तक साक्षात्कार लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सुरक्षा प्रहरी की मासिक आय 16,000 से 18,500 रुपये प्रतिमाह होगी जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता दसवी पास तथा आयु 21 से 37 वर्ष, 168 सेंटीमीटर ऊंचाई तथा भार 56 किलोग्राम या अधिक निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा सभी इच्छुक उम्मीदवारों को सुरक्षा प्रहरी के पद के लिए आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित तिथियों व समय पर पहुंचना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि एक माह की ट्रेनिंग अवधि के दौरान किट आईटम, यूनिफाॅर्म इत्यादि के लिए 13,500 रुपये तथा 350 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले कुछ अर्से से हम देख रहे हैं कि सरकार में कई प्रकार की विवाद चल रहे हैं। अब तो लिखित रूप में एक कथित पत्र भी वायरल हुआ है। हालांकि पत्र किसने लिखा है उसकी जानकारी नहीं है पर पत्र अपने आप में ही एक बड़ा चर्चा का विषय बन गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह इस पत्र को लेकर जांच करें और जो भी तथ्य है वह जनता के बीच स्पष्ट रूप से लेकर आएं, यह हमारा मुख्यमंत्री से आग्रह है। कर्मचारियों और अधिकारियों के बारे में इस प्रकार से चर्चा चल रही है और इससे सरकार का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। इस पत्र के बाद सरकार पर बहुत सारी चीजों को लेकर उंगली खड़ी हो रही है। हम मुख्यमंत्री से आग्रह करना चाहते हैं कि तुरंत इस सारे मामले की छानबीन करें और छानबीन पूर्ण होने के बाद इसके तथ्य जनता के समक्ष लेकर आए ऐसे पत्र पहले भी आए हैं पर इन सभी की जांच जरूरी है, हकीकत क्या है यह जनता के बीच आनी चाहिए।
एचएएस परीक्षा में प्रदेशभर में दूसरा स्थान हासिल करने अंशु चंदेल जिला बिलासपुर के गांव ओहर की रहने वाली है। अंशु चंदेल ने प्रदेश भर में उच्च गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने लिए पहचान रखने वाले मिनर्वा शिक्षण संस्थान से शिक्षा प्राप्त की है। इसी कड़ी में अंशु चंदेल मंगलवार को मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं पहुंची, जहां उन्होंने अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया। उनकी इस सफलता के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन ने अंशु चंदेल को शॉल, टोपी व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संस्थान के संचालक तथा प्रधानचर्य प्रवेश चंदेल ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी हैकि उनके स्कूल शिक्षा प्राप्त कर निकली एक बेटी प्रशासनिक अधिकारी बन कर प्रदेश की सेवा करेगी। उन्होंने अंशु चंदेल तथा उनके माता-पिता को शुभकामनाएं भी प्रेषित की। साथ ही कहा कि जिस तरह से आज अंशु चंदेल ने कड़ी मेहनत से अपना मुकाम हासिल किया है, उससे स्कूल का हर बच्चा प्रोत्साहित होगा। अंशु चंदेल ने कहा कि उन्होंने अपनी 11 और 12 की शिक्षा मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं से प्राप्त की है। अंशु चंदेल ने कहा कि बच्चे को अभी से इस तरह की तैयारी करना शुरू कर देनी चाहिए, ताकि वे भविष्य में प्रशासनिक अधिकारी बन सके। अपनी इस सफलता के लिए अंशु चंदेल ने अपने माता-पिता के साथ साथ मिनेर्वा शिक्षण संस्थान का भी धन्यवाद किया।
न्यू पेंशन योजना कर्मचारी महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुनील कुमार जरयाल की अगुवाई में पूर्व विधायक डलहौजी आशा कुमारी से मिला और पुरानी पेंशन योजना की पूर्ण रूप से बहाली होने पर कर्मचारी महासंघ द्वारा आयोजित होने वाले आभार समारोह में शामिल होने का न्योता दिया। इस मौके पर उनके साथ जिला महासचिव विजय शर्मा, जिला संविधान पर्यवेक्षक अर्जुन सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष एवं राज्य प्रचार सचिव अमित जरयाल व अन्य मौजूद थे। जरयाल ने बताया कि समारोह के लिए जोर शोर से तैयारियां चली हैं और हरेक विभाग तक हरेक खंड में हर एक विभागाध्यक्ष तक उनके समस्त स्टाफ सहित इस समारोह में शामिल होने के लिए उनको न्यौता सौंपा जाएगा। यह पहला अवसर होगा जब इतने बड़े समारोह में पूरी सरकार एक साथ कर्मचारियों के बीच में आएगी और एनपीएस से पुरानी पेंशन में आए कर्मचारी ही नहीं, बल्कि जो कर्मचारी इससे पहले भी पुरानी पेंशन योजना में थे, वे भी भाग लेंगे। जिला चंबा से कम से कम 10,000 की संख्या में कर्मचारी धर्मशाला इस आभार समारोह में सरकार के स्वागत सत्कार के लिए पहुंचेंगे। जरयाल ने बताया कि पिछली सरकार के समय तो कर्मचारी जब सरकार के पास जाते थे तो उनको डराया धमकाया जाता था उनकी छुट्टियां रद्द की जाती थीं फिर भी हजारों की संख्या में कर्मचारी 3 मार्च को शिमला पहुंचे थे। उस दिन यह तय हो गया था कि अब पुरानी पेंशन योजना दूर नहीं है। अब जब सरकार हमारे अपने समारोह में आ रही है तो सभी कर्मचारियों को इस समारोह में शामिल होना चाहिए और कर्मचारी इतिहास में शायद ही ऐसा आयोजन पहले हुआ होगा, इसीलिए इस समारोह को एक यादगार समारोह बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
एम अकैडमी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल बागकुलजां (जयसिंहपुर) ने स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। 20 मई को हिमाचल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा निकाले गए 12वीं के परिणाम में एम अकैडमी जयसिंहपुर की छात्रा प्रिया ने साइंस स्ट्रीम में 11वां रैंक हासिल किया है। आज स्कूल संचालक राकेश स्रोच ने प्रिया के साथ सभी उत्कृष्ट छत्रों को स्कूल की मॉर्निग असेंबली में बुलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर स्कूल के संचालक राकेश स्रोच के साथ स्कूल के प्रधानाचार्य आशु व उनके साथ स्कूल का स्टाफ भी उपस्थित रहा। संचालक राकेश स्रोच और प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर आशीर्वाद दिया और उज्जवल भविष्य की कामना की।
हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के राज्य चेयरमैन व जिला कांगड़ा प्रभारी सचिन जसवाल व फतेहपुर खंड की समस्त कार्यकरिणी ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व स्थानीय विधयाक भवानी सिंह पठानिया का पुरानी पेंशन योजना बहाल करने पर आभार व्यक्त किया। संघ ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक भवानी पठानिया, उच्च शिक्षा निदेशक अमरजीत शर्मा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। इस दौरान सचिन जसवाल ने स्थानीय विधायक के माध्यम से रोहित ठाकुर को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें विभिन्न वर्गों के अध्यपकों की चिर लंबित मांगों के उचित निर्धारण के लिए मांग की। इस दौरान जसवाल ने हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के साथ बैठक के आयोजन के बारे में चर्चा की। संघ की तरफ से फतेहपुर से नरदेव पठानिया, प्रकाश पठानिया,प्रमोद राणा, सुरिंदर कुमार, मदन लाल, रमन भारती, रशपाल, शौकत अली, अर्जुन सलारिया आदि माजूद रहे।
हिमोत्कर्ष परिषद अमोदिनी महिला सशक्तिकरण सेवा प्रकल्प के तहत वर्ष 2023-24 के लिए जिला ऊना की 56 पात्र महिलाओं को 28 मई रविवार को बचत भवन ऊना में राशन वितरित किया जाएगा। यह जानकारी हिमोत्कर्ष परिषद के प्रदेशाध्यक्ष जतिंद्र कंवर व हिमोत्कर्ष अमोदिनी सेवा प्रकल्प प्रभारी एवं परिषद के जिलाध्यक्ष कर्णपाल सिंह मनकोटिया ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज बतौर मुख्य अतिथि शिरकत आशीर्वाद देंगे। वहीं एसडीएम ऊना विश्व मोहन चौहान विशिष्ट अतिथि के रुप में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि अमोदिनी महिला सशक्तिकरण सेवा प्रकल्प वर्ष 2013 में शुरु किया गया था। 10 वर्षो में 575 पात्र विधवा महिलाओं को 40 लाख रुपए का राशन वितरित किया जा चुका है। पिछले वित्तिय वर्ष में 61 महिलाओं को यह सुविधा प्रदान की गई थी। उन्होंने बताया कि नए सत्र 2023-24 के लिए 56 महिलाओं को चुना गया है। इन महिलाओं को अप्रैल 2023 से लेकर मार्च 2024 तक हर महीने सहायता के रुप में राशन वितरित किया जाएगा। हिमोत्कर्ष पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकल्प में परिषद के सदस्यों के साथ-साथ जिला के दानवीर लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। इन्हें मिलेगा राशन नंगड़ा गांव से पिंकी कुमारी, दुलैहड़ से अनीता रानी, टक्का से मधु बाला, नैहरी नौरंगा से कमलेश कुमारी, अंबोटा से संतोष कुमारी, डूहल बगबाला से मधु बाला, चौकीमन्यार से अनीता, मल्लूवाल से सीमा देवी, झलेड़ा से सुनीता देवी, कांगड़ से माया देवी, नंगल संलागड़ी से आदर्श बाला, हरोली से ज्योति देवी, चतेहर से सुषमा कुमारी, जखेड़ा से निर्मला देवी, बडैहर से दीपिका, मवा कोहला से पुष्पा देवी, वार्ड नंबर आठ ऊना से कुसुम रानी, झलेड़ा से केसरी देवी, रामपुर से लक्ष्मी देवी, वार्ड नंबर आठ ऊना से सरिता कुमारी, हीरा नगर से अनीता कुमारी, नगनोली से मीना देवी, ईसपुर से ब्यासा देवी, मवा कोहला से रामप्यारी, समनाल से अंजना कुमारी, ईसपुर से उषा देवी, चतेहर से सोनू देवी, मवा सिंधिया से दलजीत कौर, ईसपुर से अनु बाला, पंजावर से अमरजीत कौर, सुनेहरा से लक्ष्मी देवी, नांगरान उप्परला से उपमा शर्मा, सुनेहरा से सुमन देवी, ईसपुर से उर्मिला देवी, ईसपुर से गुरप्रीत कौर, हीरा नगर से अनीता ठाकुर, ठठल से शंकुतला देवी, देहलां से बख्शो देवी, ईसपुर से अंजना कुमारी, कुठार कलां से सोमा देवी, धुसाड़ा से पिंकी देवी, अपर बसाल से जीवन ज्योति, पंजावर से सुनीता कुमारी, हरोट से सागरी देवी, कांगड़ से नीलम देवी, हलेड़ा से हरप्रीत कौर, अपर बसाल से आशा, बहडाला से बलविंद्र कौर, लोअर बसाल से रीना देवी, घालुवाल से संदेश कुमारी, हलेड़ा से बलबीर देवी, संतोषगढ़ वार्ड आठ से इंदु बाला, सासन से सुमन, सासन से कुसवा देवी, जनकौर से आशा देवी व वार्ड पांच पुलवाला बाजार ऊना से रीमा रानी शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कई भागों में 23 व 24 मई को भारी बारिश, ओलावृष्टि व अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। 28 मई तक प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम में यह बदलाव आने की संभावना है। वहीं, 25 व 26 मई के लिए अंधड़ चलने का येलो अलर्ट चलने से भूस्खलन, खड़ी फसलों, फलों के पौधों और नई पौध को नुकसान हो सकता है। ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने से हिमाचल प्रदेश में सेब बागवानी को भी नुकसान हो सकता है। हिमाचल प्रदेश में कई जिले में तापमान 42.4 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम खराब होने से भूस्खलन, खड़ी फसलों, फलों के पौधों और नई पौध को नुकसान हो सकता है। शिमला में न्यूनतम तापमान 19.3, सुंदरनगर 17.7, भुंतर 13.8, कल्पा 9.4, धर्मशाला 17.2, ऊना 22.2, नाहन 21.5, केलांग 6.7, पालमपुर 20.0, सोलन 17.2, कांगड़ा 21.4, मंडी 18.1, बिलासपुर 21.0, हमीरपुर 20.0, चंबा 17.6, डलहौजी 20.0, जुब्बड़हट्टी 22.2, कुफरी 17.1, नारकंडा 14.4, भरमौर 13.0, रिकांगपिओ 12.9, धौलाकुआं 22.7, बरठीं 18.5, पांवटा साहिब 26.0 और देहरागोपीपुर में 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा को कैसे विकास की पटरी पर आगे ले जाया जाए, इस दिशा में काम करने के लिए वह कांगड़ा आए हैं और दो दिन तक यहां तमाम विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके रिव्यू करने का प्रयास करेंगे कि कैसे कांगड़ा को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाए। सीएम सुक्खू ने शीतकालीन प्रवास की बजाय गर्मियों में कांगड़ा प्रवास को व्यवस्था परिवर्तन का हिस्सा बताया और कहा कि यही व्यवस्था परिवर्तन है, मगर हां प्रवास कुछ नहीं होता, जनता की तहेदिल से सेवा करना ही सबसे बड़ा प्रवास है, चाहे वह शीतकाल में हो या गृष्मकाल में। उन्होंने कहा कि वह कई मर्तबा इस वाक्या को दोहरा चुके हैं कि वो सत्ता सत्ता सुखभोगने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए आए हैं। कांगड़ा में ऑल ओवर विकास कैसे हो इसके लिए वह बाकायदा तीन हजार करोड़ रुपए का भी प्रावधान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह जनता की कसौटी पर खरा उतरने की पूरी-पूरी कोशिश करेंगे, वह पहले ही कह चुके हैं कि प्रदेश की जनता कर्ज के बोझ तले दबी हुई है। बावजूद इसके महज चार साल के अंतराल में ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आएगी और दस साल में हिमाचल देश का सबसे समृद्ध और अमीर राज्य बनेगा, ये उनका दावा है, वहीं उन्होंने धर्मशाला को प्रदेश की दूसरी राजधानी के दर्जे पर कहा कि वह सिर्फ कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के तौर पर विकसित करना चाहते हैं और उसी दिशा में काम भी कर रहे हैं। लोकसभा के चुनावों पर उन्होंने कहा कि अभी लोकसभा के चुनाव साल 2024 में हैं, मगर अभी उन्हें जनता की सेवा करनी है।
शिमला के रोहड़ू उपमंडल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां कार (HP 06A -5332) के खाई में गिरने से तीन युवकों की मौत व दो अन्य घायल हुए हैं। जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे पेश आया, जब युवक शादी समारोह से रामपुर की तरफ जा रहे थे। तीनों मृतक रामपुर के रहने वाले थे, जिनकी आयु 18 से 20 साल है। मृतकों की पहचान श्रेय नेगी (18) पुत्र लेख राज निवासी तकलेच, शिवांग (18) पुत्र रूप लाल निवासी मझारली और जतीर (20) पुत्र मनी लाल निवासी तकलेच के रूप में हुई है। वहीं घायलों में करूण चौेहान (20) पुत्र तारा चांद निवासी करतोट और रमन (22) पुत्र राज पाल निवासी तकलेच शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार सुबह कांगड़ा दौरे पर पहुंचे। कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, सीपीएस आशीष बुटेल, विधायक सुधीर शर्मा, रघुवीर बाली, केवल सिंह पठानिया, यादविंद्र गोमा, भवानी सिंह पठानिया इत्यादि ने गगल एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री 11 बजे उपायुक्त कार्यालय सभागार में जिले के लिए प्रस्तावित तथा चल रही पर्यटन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। उनका रात्रि ठहराव सर्किट हाउस धर्मशाला में रहेगा। मुख्यमंत्री 24 मई को प्रातः साढ़े 10 बजे उपायुक्त कार्यालय सभागार में ग्रामीण विकास, राजस्व, सामाजिक कल्याण, कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य एवं रेशम पालन विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। वे उसके उपरांत लोक निर्माण विभाग, जल शाक्ति, वन,ऊर्जा एवं बहुउद्देशीय परियोजना सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज उत्तराखंड के प्रसिद्ध शक्तिपीठ महासू मंदिर हनोल में शीश नवाजा। उन्होंने कहा कि आज महासू देवता हनोल दरबार में आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने प्रदेश के लोगो की सुख शांति, समृद्धि एवं सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महासू देवता हनोल उत्तराखंड ही नही बल्कि हिमाचल सहित देश के अलग अलग हिस्सों में एक आस्था का प्रतीक है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री के धर्मपत्नी प्रो सिम्मी अग्निहोत्री, बेटी आस्था अग्निहोत्री , प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष महेश्वर चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 23 से 31 मई तक कांगड़ा जिला के प्रवास पर रहेंगे। इस अवधि के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे तथा जन जनसमस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री 23 मई को शिमला से रवाना होंगे और प्रातः 9.30 बजे गग्गल हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके उपरांत वह धर्मशाला में पर्यटन विकास से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। मुख्यमंत्री 24 मई को धर्मशाला में विभिन्न विभागों तथा पर्यटन से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। सीएम सुक्खू 25 मई को धर्मशाला में सार्वजनिक परिवहन के लिए इलेक्ट्रिक बसों को हरी झण्डी दिखाएंगे तथा मैक्लोडगंज बस अड्डे का भूमि पूजन भी करेंगे। वह ढगवार दुग्ध संयंत्र तथा धौलाधार जैव विविधता पार्क का दौरा करने के उपरांत जनसमस्याएं सुनेंगे। मुख्यमंत्री 26 मई को देहरा में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। वह 27 मई को नई दिल्ली में नीति आयोग के शासी निकाय की बैठक में भी शामिल होंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 28 मई को धर्मशाला में एन.पी.एस. संघ द्वारा आयोजित आभार रैली में शिरकत करेंगे। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 31 मई को कांगड़ा जिला के फतेहपुर में विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के कांगड़ा जिला के प्रवास से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। वह प्रवास के दौरान आम लोगों से भेंट भी करेंगे। इससे आम लोगों को अपनी समस्याओं को सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी। वह निःसंकोच अपनी समस्याओं व मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष अपना पक्ष प्रस्तुत कर पाएंगे।
लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत प्रदेश भर में 2800 करोड़ रुपये की लागत से कुल 2400 किमी ग्रामीण सड़कों का सुधार किया जाएगा। उन्होंने बताया इसके तहत ज़िला कांगड़ा के दो मंडलों में 647 करोड़ की लागत से 500 किमी ग्रामीण सड़कों का सुधारीकरण किया जाएगा। लोक निर्माण मंत्री ने यह जानकारी आज धर्मशाला के होटल धौलाधार में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दी। अपने विभागों से संबंधित योजनाओं को सबके समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग के कांगड़ा जोन के अंतर्गत इस साल कुल 315 करोड़ के कार्य किए जाएंगे, जिसमें से 178 करोड़ के कार्य शुरू कर दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि कांगड़ा मंडल में 120 किमी वाहन योग्य सड़क, 173 किमी नालियां और पुल्लियां, 166 किमी टारिंग और 6 ब्रिज इसके तहत बनाये जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति सुधारने पर फोकस कर रही है। वे जल्द ही ज़िला कांगड़ा में ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक दौरा करेंगे । इस दौरान वे गांव -गांव जाकर लोक निर्माण विभाग संबंधित कार्यों का निरीक्षण करेंगे और जनसमस्याओं का निराकरण करेंगे। उन्होंने कहा इस दौरान पूरा प्रशासनिक अमला और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उनके साथ रहेंगे। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में ज़िला कांगड़ा में उनके विभागों से संबंधित विकास कार्यों को गति दी जायेगी। इसके लिए विभाग के साथ बैठकर पूर्ण योजना बनायी जा रही है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास के लिए केंद्र सरकार का पूरा सहयोग लेगी,ताकि विकास योजनाएं समय पर पूरी की जा सकें। उन्होंने बताया कि प्रदेश में एनएचएआई के पठानकोट-मंडी, शिमला-मटौर, कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग निर्माण के तीन बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवेज़ के निर्माण में प्रदेश सरकार कि ओर से पूरा सहयोग किया जायेगा।
प्रदेश युवा कांग्रेस सचिव रिश्व कहोल ने भन्जाल में बनने वाले इथेनोल प्लांट को संजीवनी बताते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं विधायक चैतन्य शर्मा की दूरगामी सोच का ही नतीजा है कि गगरेट के भन्जाल को इथेनाल प्लांट लगाने की मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का अब तक का कार्यकाल सराहनीय रहा है और प्रदेश के हर वर्ग के लिये उचित निर्णय लिये है फिर चाहे वो ओपीएस हो, शिक्षकों से रोजगार के मुद्दे हो, पुरानी भर्तियों के मुद्दे हो अथवा युवाओं के रोजगार के लिये साक्रात्म्क कदम उठाने हो सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर सफल रही और उनकी योजनाओं का लाभ सीधा जनता को मिल रहा है. माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू में प्रदेश चहुमुखी विकास की और अग्रसर है जिसका लाभ गगरेट को भी मिल रहा है। जल्द ही राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का कार्य भी गगरेट में शुरू हो जाएगा और गगरेट की जनता से जो वादे विधायक चैतन्य शर्मा ने किए हैं, उन्हें पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हंै।
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि युवा पीढ़ी को तकनीक के क्षेत्र में हुई प्रगति के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं का ज्ञान होना आवश्यक है। संजय अवस्थी आज सोलन ज़िला के अर्की विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध माता बनिया देवी मेला समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने इससे पूर्व माता बनिया देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि मेले एवं त्यौहार हमारी परंपराओं और संस्कृति की धरोहर को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना क्रांति के वर्तमान युग में हालांकि आपसी मेलजोल घट रहा है किंतु पहाड़ी क्षेत्रों में मनाए जाने वाले मेले एवं त्याहौर आज भी अपनी प्रासांगिकता बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का यह दायित्व है कि वो अपनी धरोहर को भूले नहीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को याद रखना होगा कि अपनी परम्पराओं, संस्कृति और हस्तशिल्प को संरक्षित रख ही विकास के मार्ग पर सशक्त कदम बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ नागरिकों को युवाओं को संस्कृति और परंपराओं की जानकारी देनी होगी। संजय अवस्थी ने कहा कि आज का समय प्रतिस्पर्धा का है। ऐसे समय में युवाओं को तकनीक की जानकारी के साथ-साथ अपने क्षेत्र में भी महारत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस युग में वही युवा सफल हो सकते है जो तकनीक के माध्यम से अपनी विशेषज्ञता को सिद्ध कर सकें। इसके लिए आवश्यक है कि युवा लक्ष्य बनाकर परिश्रम करें और लक्ष्य प्राप्ति के लिए अपने पाठ्यक्रम को आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में सघन प्रयास कर रही है। वर्ष 2023-24 में हाईड्रो इंजीनियरिंग विद्यालय बिलासपुर में कम्प्यूटर साईंस एवं इंजीनियरिंग विषय में बी.टेक पाठ्यक्रम आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पाठ्यक्रम में विशेष रूप से आर्टीफीशियल इंटेलीजेंस विषय को समाहित किया जाएगा ताकि युवा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। इस अवसर पर अवस्थी ने पाम्परिक दंगल का शुभारंभ भी किया। उन्होंने अपनी ऐच्छिक निधि से मेला समिति को 31 हजार रुपये, महिला मंडल बनिया देवी को 11 हजार रुपये तथा युवक मण्डल बनिया देवी को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर प्रागंण के सौंदर्यकरण के लिए 05 लाख तथा बनिया देवी से साकली तक सम्पर्क मार्ग के लिए एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर खण्ड कांग्रेस अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ग्राम पंचायत कोठी की प्रधान बलविन्द्र कौर, ग्राम पंचायत हाटकोट के प्रधान जगदीश कुमार, ग्राम पंचायत कुनिहार के प्रधान राकेश कुमार, ग्राम पंचायत बनोह के प्रधान कृष्ण दास, ग्राम पंचायत मान के प्रधान सुरेन्द्र ठाकुर, ग्राम पंचायत देवरा के प्रधान रूप सिंह, मेला समिति माता बनिया देवी के प्रधान लेख राम चौधरी, समाज सेवी जीत राम चैधरी, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी अर्की योगिन्द्र पाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय निवासी उपस्थित थे।
हमीरपुर जिला भाजपा की अति महत्वपूर्ण कार्यसमिति बैठक हमीरपुर के बसंत रिजॉर्ट में हुई, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे। आने वाली 30 मई को मोदी सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी पूरे देश भर में महा जनसंपर्क अभियान चलाने जा रही है। हमीरपुर जिला में इस अभियान का स्वरूप कैसा होगा इस अभियान को चलाने की रणनीति क्या है और इस अभियान के दृष्टिगत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी जो दायित्व निभाएंगे उसकी योजना क्या है यह सारी रूपरेखा इस बैठक में तय कर दी गई है। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि मोदी सरकार आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए नए भारत के सपने को साकार कर रही है। यह हम सब के लिए हर्ष का विषय है कि 30 मई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार अपने 9 वर्ष पूर्ण करने जा रही है। पार्टी ने 30 मई से 30 जून तक प्रदेश के सभी जिलों मंडल ग्राम केंद्र एवं बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजन करने के साथ-साथ महा जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गरीब शोषित वंचितों के कल्याण हेतु समर्पित है। जहां देश का गौरव विश्व पटल पर लगातार बढ़ रहा है, वहीं सांस्कृतिक विरासत को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिस्थापित होते हुए हम सब देख रहे हैं।
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि केंद्र में एक बार फिर मोदी सरकार का बनना तय है आज भारतीय जनता पार्टी पूरे हिमाचल प्रदेश में और देश में मोदी जी की सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, इसको लेकर शिमला में प्रदेश कार्यसमिति की एक विशेष बैठक हुई थी जिसमें यह तय हुआ था कि पूरे प्रदेश भर में सभी जिलों में इस कार्यक्रम को लेकर बैठकों का आयोजन किया जाएगा और इसके उपरांत मंडलों की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता लोकसभा अनुसार प्रवास करेंगे और उन में महत्वपूर्ण नागरिकों के साथ मुलाकात करेंगे। ऐसे हिमाचल प्रदेश में 4 संसदीय क्षेत्र है जिसके अंतर्गत प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में भाजपा नेता 250 लोगों से भेंट करेंगे जो कि पूरे हिमाचल प्रदेश में कुल 1000 होंगे। यह वरिष्ठ नागरिक ऐसे होंगे जो सामाजिक क्षेत्र के आइकॉन होंगे, जिन्होंने किसी भी प्रकार से समाज के उत्थानकार्य या अन्य किसी भूमिका में अग्रिम भूमिका निभाई है ऐसे प्रत्येक मंडल में हम 60 से 65 लोगों से मिलने का प्रयास करेंगे। खन्ना ने बल देते हुए कहा देश के लिए एक बार फिर मोदी का प्रधानमंत्री बनना जरूरी है, आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली पांचवी अर्थव्यवस्था बन गया है और आने वाले समय में हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा संपर्क से समर्थन अभियान चलाएगी जिसके अंतर्गत हम हिमाचल प्रदेश के सभी लोगों से मिलेंगे और केंद्र सरकार में नरेंद्र मोदी एक बार फिर प्रधानमंत्री बने उसका समर्थन मांगेंगे, भाजपा पूरे प्रदेश भर में महा जनसंपर्क अभियान का आयोजन करेगी जो कि 20 जून से 30 जून तक चलेगा इसके अंतर्गत हम पूरे प्रदेश भर में घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने का प्रयास करेंगे उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के बीच जाकर एक बार फिर जनसमर्थन मांगेगी और जिस प्रकार आपको याद ही है कि कोविड संकट काल के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जिस प्रकार से प्रत्येक व्यक्ति को कोरोना की वैक्सीन मुफ्त में उपलब्ध करवाई थी जो को एक बहुत बड़ी उपलब्धि रही और ना ही देश के नागरिकों को प्रधानमंत्री ने सुरक्षा कवच प्रदान किया अपितु विदेशों में भी मुफ्त वैक्सीन प्रदान कर भारतवर्ष की साख पूरे विश्व में बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के जो भी विचार जनसंघ के समय थे उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य नरेंद्र मोदी की सरकार ने किया है और जो हमारे कार्य रह गए हैं उन्हें आने वाले समय में हम पूरे करेंगे। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है जिन्होंने देश से धारा 370 हटाने का कार्य किया है इससे पहले कई सरकारी आई पर उन्होंने इसको हटाने में कभी भी उचित प्रयास नहीं किया।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार के 9 वर्ष 30 मई को पूर्ण होने जा रहे हैं और इसको भाजपा पूरे हिमाचल प्रदेश में एक पर्व के रूप में मनाने जा रही है। इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में अति उत्साह है और जितने भी कार्यक्रम केंद्र नेतृत्व द्वारा हिमाचल प्रदेश को भेजे गए हैं उसको धरातल पर उतारने के लिए भाजपा का मजबूत कार्यकर्ता उत्साहित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल से भावात्मक नाता है और उन्होंने हिमाचल प्रदेश की प्रगति के लिए कभी भी कोई कमी नहीं रखी है। चाहे हम बात करें बल्क ड्रग पार्क की या मेडिकल डिवाइस पार्क की, इनके निर्माण कार्य में हमेशा केंद्र का अद्भुत सहयोगी हिमाचल प्रदेश को प्राप्त हुआ है इन दोनों योजनाओं से हिमाचल प्रदेश को बहुत लाभ होगा और आने वाले समय में हजारों युवाओं को इन परियोजना में नौकरियों के स्वर्ण अवसर प्राप्त होंगे। कश्यप ने कहा कि चाहे हम चंडीगढ़ सोलन शिमला नेशनल हाईवे की बात करे या सिरमौर को जोड़ने वाले ही ग्रीन कॉरिडोर की दोनों से हिमाचल प्रदेश को बहुत बड़ा लाभ हुआ है जिससे हिमाचल प्रदेश में पर्यटक बढ़ेगा और स्थाई जनता को इसका बड़ा लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा की मेडिकल डिवाइस पार्क का दूसरा चरण शुरू हो गया, नालागड़ कटिंग का काम समाप्त हो गया है अब लेवलिंग और फीलिंग का काम दूसरे चरण में होगा। मेडिकल डिवाइस पार्क को 100 करोड़ की ग्रांट मिल गई है और इसकी स्थापना पर 350 करोड़ पर खर्च होगा, नालगढ़ में 265 एकड़ भूमि इस पार्क के लिए चयनित कर ट्रांसफर हो चुकी है। इसके निर्माण कार्य के लिए डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड एजेंसी के रूप में काम कर रही है । इस पार्क में सरकार ने 5000 करोड़ निवेश का लक्ष्य रखा है जिसमें 10000 लोगों को रोजगार मिलेगा। इस प्रोजेक्ट के लिए ड्राफ्ट लैंड पॉलिसी फाइनल हो चुकी।


















































