कल से दो दिन तक सोलन जिले में मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला ने जिले के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा, ओलावृष्टि, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की संभावना है। बिजली चमकने की भी आशंका जताई गई है, जिससे जानमाल के नुकसान का खतरा बढ़ जाता है। इस गंभीर मौसम चेतावनी को देखते हुए, ज़िला दण्डाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने जिले के सभी निवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे अगले दो दिनों तक बारिश और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, खासकर पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें। उन्होंने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का पालन करने पर भी जोर दिया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों पर लगातार ध्यान दें और रेडियो व टेलीविजन पर प्रसारित मौसम बुलेटिन को सुनकर सुरक्षित रहें। ज़िला दण्डाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि पिछली रात आए तूफान के कारण जिले में कुछ नुकसान हुआ है, जिसमें अर्की विधानसभा क्षेत्र के गडोग गांव में एक गोशाला आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई है और 890 बिजली के ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। हालांकि, प्रशासन तेजी से मरम्मत कार्य में जुटा है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल फ्री नम्बर 1077, दूरभाष नम्बर 01792-220049 व 01792-220882 तथा व्हट्सएप नम्बर 94594-57292 पर संपर्क किया जा सकता है।
कुनिहार: जिला सोलन की विभिन्न नंबरदार यूनियनों के सदस्य जिला नंबरदार यूनियन के प्रधान राजेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में कुनिहार उपतहसील कार्यालय में एकत्रित हुए। उन्होंने नायब तहसीलदार ललीत शर्मा से मुलाकात कर नंबरदारों की लम्बित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान नंबरदारों ने अपनी मांगों और परेशानियों से संबंधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी को प्रेषित किया। जिला नंबरदार यूनियन के प्रधान राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि नायब तहसीलदार ललीत शर्मा ने नंबरदारों को आश्वासन दिया है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और इन मुद्दों के समाधान के लिए उच्च अधिकारियों से बातचीत की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि बैठक में कानूनगो बबीता ने नंबरदारों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनमें समाज में नशे के बढ़ते प्रचलन के खिलाफ लोगों को जागरूक करना और अन्य सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाना शामिल है। नंबरदारों ने कानूनगो के सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि वे इन पर गंभीरता से विचार करेंगे और अपने-अपने क्षेत्रों में इन पर काम करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में कुनिहार यूनियन के प्रधान जगत राम तनवार, उपप्रधान चमनलाल, कोषाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर, मदन कंवर, नीम चंद, बलदेव ठाकुर, पदम सिंह, होशियार सिंह, आशाराम और अन्य कई नंबरदार उपस्थित रहे।
जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा: उपमंडल के अंतर्गत आने वाली सकोह पंचायत में सिद्ध बाबा घाशी राम बैसाखी छींज मेला बड़ी धूमधाम और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। पांच दिनों तक चले इस मेले में विभिन्न सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले के समापन समारोह में पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मेला कमेटी के अध्यक्ष अजय शुक्ला और अन्य सदस्यों ने मुख्यातिथि का पारंपरिक हिमाचली टोपी पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। मेले के दौरान आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही। रोमांचक मुकाबलों के बाद जयसिंहपुर की टीम विजेता बनी, जिसे ₹5100 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उपविजेता टीम को ₹3100 का इनाम दिया गया।मेले का मुख्य आकर्षण दो दिनों तक चली कुश्ती प्रतियोगिता रही, जिसमें दूर-दूर से आए नामी पहलवानों ने अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया। कुश्ती का फाइनल मुकाबला दिल्ली के पहलवान नरेश और दीनानगर के आयुग के बीच हुआ, जो बेहद रोमांचक रहा। अंततः नरेश दिल्ली ने बाजी मारी और वे विजेता घोषित किए गए। विजेता पहलवान नरेश दिल्ली को ₹31,000 और उपविजेता आयुग को ₹21,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर मेला कमेटी के अध्यक्ष अजय शुक्ला, सुनील राणा, मिट्ठू, अजय शर्मा, सौरव कटोच, सुमित कुमार, निखिल, सन्नी, सुरेंद्र, अभिषेक और समस्त मेला कमेटी के सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे और उन्होंने मेले के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सिद्ध बाबा घाशी राम बैसाखी छींज मेले ने क्षेत्र में उत्साह और भाईचारे का संदेश दिया।
हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना इन दिनों अपनी एक होली पार्टी को लेकर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। उन्होंने होली के दिन (14 मार्च) शिमला के आलीशान होटल हॉलिडे होम में प्रदेश के आईएएस अफसरों के लिए एक भव्य लंच का आयोजन किया। इस रंगीन महफिल में लगभग 75 अधिकारी, उनकी पत्नियां और बच्चे शामिल हुए। अब इस शानदार आयोजन का आर्थिक पहलू सामने आया है। होटल प्रबंधन ने इस पार्टी का ₹1,22,020 का बिल भुगतान के लिए प्रदेश सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) को भेज दिया है। बताया जा रहा है कि इस बिल में 75 लोगों के लंच और स्नैक्स का प्रति प्लेट ₹1000 का खर्च शामिल है। इसके अतिरिक्त, 22 ड्राइवरों के भोजन और टैक्सी के खर्चे को भी इस बिल में जोड़ा गया है। फिलहाल, सरकार के स्तर पर इस बिल के भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। इस मामले पर मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि राज्यपाल और मुख्य सचिव जैसे पदों पर आसीन व्यक्ति ऐसी पार्टियों का आयोजन कर सकते हैं और यह परंपरा पहले से भी चली आ रही है। उन्होंने यह भी बताया कि इन आयोजनों में बाहर के लोग भी शामिल होते हैं। वासी तो प्रदेश सरकार खुद ये कहती है कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है तो क्या आर्थिक चुनौतियों से जूझ रही प्रदेश सरकार के लिए मुख्य सचिव की होली पार्टी का ₹1.22 लाख का बिल एक बड़ा सवाल खड़ा करता है। क्या वर्तमान परिस्थितियों में इस प्रकार के निजी आयोजनों का सरकारी खजाने से भुगतान करना उचित है? ये बड़ा सवाल है।
चंबा जिले के तीसा उपमंडल की ग्राम पंचायत सनवाल में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने बागवानी जगत में हलचल मचा दी है। यहां मनरेगा के तहत खरीदे गए तीन करोड़ रुपये के सेब के पौधों की खरीद में भारी गड़बड़ी का खुलासा हुआ है।अनियमितता के चलते तत्कालीन खंड विकास अधिकारी (BDO) मनीश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। कुछ समय पहले सनवाल पंचायत में सेब के पौधों की खरीद में गड़बड़ी की सुगबुगाहट शुरू हुई थी। मामला इतना गंभीर था कि एसडीएम ने इसकी विस्तृत जांच की। एसडीएम की जांच रिपोर्ट में मनरेगा के तहत हुई इस महंगी खरीद में कई चौंकाने वाली अनियमितताएं उजागर हुईं। इसके बाद ग्रामीण विकास विभाग ने मामले की गहराई से पड़ताल की और विभागीय जांच में भी गड़बड़ी की पुष्टि हुई। इसी के चलते ग्रामीण विकास विभाग ने तीसा के तत्कालीन BDO मनीश कुमार पर गाज गिराते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। ग्रामीण विकास विभाग के निदेशक राघव शर्मा ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत सनवाल में मनरेगा के तहत लगभग तीन करोड़ रुपये के सेब के पौधों की खरीद में अनियमितताएं पाई गई हैं। इसी वजह से तत्कालीन खंड विकास अधिकारी को सस्पेंड किया गया है। अब देखना यह है कि इस 'मीठे' सौदे की कड़वी सच्चाई आगे क्या मोड़ लेती है और इस गड़बड़ी में और कौन-कौन शामिल पाया जाता है।
अवैध कटान के मामले में जांच करने धर्मपुर पहुंची केंद्रीय टीम, वन विभाग के अधिकारियों से भी की पूछताछ
धर्मपुर में कथित अवैध कटान के मामले की जांच के लिए बुधवार को पहुंची तीन सदस्यीय केंद्रीय टीम धर्मपुर पहुंची । टीम ने मौके पर गहन पड़ताल की। टीम ने न केवल वन विभाग के अधिकारियों से विस्तृत पूछताछ की, बल्कि वहां डंप की गई लकड़ी की नाप-जोख भी की। केंद्रीय टीम, जिसमें डीडीजी चेन्नई जार्ज, डीसीएफ देहरादून सुशांत और एक अन्य अधिकारी शामिल थे, को सीएफ मृत्युंजय और डीएफओ कमल भारती ने पूरे मामले की जानकारी दी। जांच के दौरान टीम के सदस्यों ने वन विभाग के अधिकारियों से यह स्पष्ट रूप से पूछा कि यहां एकत्रित की गई लकड़ी के संबंध में क्या विभागीय अनुमति प्राप्त की गई थी। इस पर वन विभाग के अधिकारियों ने टीम को बताया कि यह लकड़ी स्थानीय लोगों की निजी भूमि से काटी गई है और इसके लिए विधिवत परमिट जारी किए गए थे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रतिबंधित प्रजातियों की लकड़ी को पहचान कर अलग कर दिया गया है। जांच टीम ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे मौके पर एकत्रित किए गए सभी तथ्यों के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। इस मामले के शिकायतकर्ता सुरेंद्र ठाकुर ने टीम के समक्ष कई महत्वपूर्ण तथ्य रखे और यह भी कहा कि उनके पास कुछ और महत्वपूर्ण सुराग हैं, जिन्हें वे जल्द ही टीम को सौंप देंगे। टीम ने उनसे अनुरोध किया कि वे सभी संबंधित दस्तावेज यथाशीघ्र उपलब्ध कराएं। मीडिया ने जब इस संबंध में केंद्रीय टीम से प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया, तो टीम के सदस्यों ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने केवल इतना कहा कि जांच रिपोर्ट तैयार करके उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। इस मामले में पहले स्थानीय स्तर पर भी जांच हुई थी, जिसके बाद कुछ अनियमितताएं सामने आई थीं। शिकायतकर्ता सुरेंद्र ठाकुर ने वन विभाग के कुछ अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया था और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। इसी मांग के चलते केंद्रीय टीम को जांच के लिए भेजा गया है। अब सभी की निगाहें केंद्रीय टीम की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।
डाडा सीबा क्षेत्र में बुधवार देर रात आए भीषण आंधी और तूफान के साथ मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा के कारण कई पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे बगीचों में लगे आम, लीची और अन्य फलों को भारी क्षति पहुंची है। खेतों में खड़ी सब्जियों को भी इस तूफान से काफी नुकसान हुआ है। सबसे अधिक प्रभाव नंगल चौंक और उसके आसपास के क्षेत्रों में देखने को मिला, जहां भारी पेड़ गिरने से विद्युत विभाग की तारें और दो बिजली के खंभे टूटकर जमीन पर गिर गए। कई स्थानों पर बिजली की तारें लटकती हुई दिखाई दीं, जबकि कुछ पूरी तरह से टूटकर नीचे गिर गईं। इस कारण डाडा सीबा और नंगल चौंक के आसपास के इलाकों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई, जिससे लोगों को गर्मी में बिना पंखे और कूलर के रात बितानी पड़ी। ग्रामीण अब बिजली आपूर्ति बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं, हालांकि कुछ क्षेत्रों में सुबह बिजली आंशिक रूप से बहाल कर दी गई थी। डाडा सीबा विद्युत विभाग के सहायक अभियंता दिनेश कुमार ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बिजली की तारों पर पेड़ गिर गए हैं और दो बिजली के खंभे भी टूट गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि बिजली आपूर्ति को शीघ्र बहाल करने के लिए टीमें भेज दी गई हैं और जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
कुनिहार :- विकास खंड कुनिहार की ग्राम पंचायत हाटकोट के वार्ड नंबर 3 के लोग इन दिनों बाघ के दहशत से सहमे हुए है। वार्ड नंबर 3 खलयानी में पिछले कई दिनों से बाघ की आवाजाही से लोगों में डर बना हुआ है।जिसकी वजह से आस पास के लोग खासे परेशान हैं। वार्ड नंबर 3 के लोग आरपी जोशी, अजय जोशी,देवेन्द्र पाठक, जीवन जोशी,प्रतीक गौतम, आशीष वशिष्ठ, संजय शर्मा, कमेंद्र जोशी, संदीप जोशी, भूपेंदर योगीराज, दीपेश जोशी, मुकुल शर्मा ने बताया कि गत दिनों से क्षेत्र में बाघ घूम रहा है जिसके खौफ से लोग परेशान है। वार्ड के लोगों ने बताया की पशुओं को घास लाने में बड़ी मुश्किल हो रही है।यही नहीं शाम को लोगों को अपने घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।कई लोगो ने तो बाघ को काफी नजदीक से देखा है इन लोगों का कहना है कि अब इस दहशत के साथ जीने को मजबूर हो गये है कि कहीं यह बाघ उनके ऊपर हमला ना बोल दे इन लोगों का कहना है की रात के समय तो यहां बाघ वार्ड के घरों के बिल्कुल नजदीक घूमता रहता है और लोगों के पालतू जानवर ओर कुत्तो को अपना शिकार बनाने की कोशिश करता है,और सारी रात यह बाघ यहां दहाडता रहता है।स्थानीय ग्रामीणो का कहना है कि उन्हें हर समय डर सताता है कि कहीं बाघ उनके बच्चों को अपना शिकार ना बना ले। ग्राम पंचायत प्रधान जगदीश अत्री व वार्ड सदस्य संजय जोशी व स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व वन विभाग से मांग की है कि बाघ को पकड़कर उचित स्थान पर छोड़ा जाए।ताकि कोई अनहोनी घटना ना हो और लोग चैन से रह सके।इस बारे जब वन मण्डल अधिकारी कुनिहार राज कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि लोगों की समस्या को देखते हुए। विभाग की ओर से पेट्रोलिंगशीघ्र ही शुरू कर दी जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि रात को अनावश्यक बाहर न निकले व अपने जानवरों व कुत्तों को रात को बाहर न निकाले। बाघ को जल्दी ही पकड़ने के लिए कार्य शुरू किया जाएगा ।
पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री आरएस बाली ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और वर्तमान प्रदेश सरकार पर्यटन क्षेत्र को नये आयाम देने के दृष्टिगत कार्य कर रही है। नगरोटा तथा कांगड़ा में जनसमस्याएं सुनने के उपरांत पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि मुख्य मार्गों के नजदीक गांवों में छोटे-छोट टूरिस्ट स्पाॅट भी विकसित किए जाएंगे ताकि स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के साधन उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने गोबिन्द सागर झील सहित अन्य जलाशयों में शिकारा, हाउसबोट, जेट-स्की इत्यादि सुविधाएं शुरू की गई हैं जबकि पौंग बांध भी जल्द ही यह सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लगभग 2 हजार 400 करोड़ रुपये की लागत से दो चरणों में नए पर्यटन स्थल विकसित करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को बेहतर हवाई सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तारीकरण कार्य प्रगति पर है, जिसके लिए करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं तथा अधिग्रहण के लिए भूमि मालिकों को 355करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। प्रदेश में 16 हेलीपोर्ट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक्साइज, टूरिज्म, पॉवर और माइनिंग पॉलिसी में आवश्यक बदलाव कर दो हजार करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया है। यह कदम प्रदर्शित करता है कि प्रदेश सरकार राजस्व अर्जन की दिशा में कार्य कर रही है ताकि प्रदेश के सभी क्षेत्रों के विकास कार्यों को पूरा करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के वंचित और कमजोर वर्गों का कल्याण और उत्थान सुनिश्चित करना है। वर्तमान राज्य सरकार जनहित की दिशा में कार्य कर रही है और किसी भी कीमत पर प्रदेश की अमूल्य संपदा को लुटने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने समाज के सुविधा संपन्न वर्गों से स्वेच्छा से बिजली सब्सिडी का त्याग करने की मुहिम शुरू की है और प्रदेश के लोग इस मुहिम में बढ़चढ़ कर भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोड कनेक्टिविटी में सुधार, स्थानीय विकास को बढ़ावा देने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सभी पहलें बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, आर्थिक विकास को बढ़ावा देने और राज्य के लोगों के लिए जीवन की समग्र गुणवत्ता में सुधार करने के सरकार के दृष्टिकोण का हिस्सा हैं।
ऊना जिले के बंगाणा उपमंडल की धुंधला पंचायत के अप्पर धुंधला गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव के श्मशान घाट के पास स्थित एक तालाब में एक नवजात शिशु शिशु मिला है जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। चौंकाने वाली बात यह है कि नवजात के गले में पत्थर बांधकर उसे तालाब में फेंका गया था। शव देखते ही ग्रामीणों ने तुरंत पंचायत प्रतिनिधियों और पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी रोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। पुलिस का मानना है कि नवजात शिशु (पुरुष) का जन्म हाल ही में हुआ था और जन्म के तुरंत बाद ही उसे तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पंचायत उप-प्रधान रमन कुमार ने घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित करने की पुष्टि की है। इस अमानवीय कृत्य से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है और उन्होंने तुरंत आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पूरे क्षेत्र में इस जघन्य अपराध की चर्चा है, जबकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि यह नवजात किसका बच्चा था। जिला पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है और पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने के बाद राजनीतिक वातावरण गरमा गया है। इसको लेकर आज कांग्रेस ने शिमला में प्रदर्शन किया जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्री विक्रमादित्य सिंह सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस कार्रवाई को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर टिप्पणी करते हुए ईडी को "इंटिमिडेशन डिपार्टमेंट" बताया और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार के पास जनता के सवालों का जवाब नहीं है, इसलिए वे सवाल पूछने वालों को निशाना बना रहे हैं। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को उन्होंने विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश की आजादी और लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने के लिए अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया, उसे झूठे आरोपों से बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी हर हथकंडे के सामने डटकर खड़ी रहेगी और इस लड़ाई को जीतेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश 140 करोड़ लोगों की आस्था से जुड़े संविधान से चलेगा, तानाशाही के फरमान से नहीं। बता दे कि नेशनल हेराल्ड मामले में जांच एजेंसी ED की ओर से अदालत में चार्जशीट दायर किए जाने के बाद कांग्रेस सड़क पर उतर आई है। क्योंकि ईडी की चार्जशीट में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता राहुल गांधी, इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा, सुमन दुबे सहित कई लोगों के नाम शामिल हैं। अदालत इस मामले में 25 अप्रैल को सुनवाई करेगी। 11 अप्रैल को ED ने दिल्ली, मुंबई और लखनऊ के संपत्ति रजिस्ट्रारों को नोटिस जारी किए थे, जहां एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (एजेएल) की संपत्तियां है।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने NAAC A+ मान्यता की उल्लेखनीय उपलब्धि को चिह्नित करने के लिए एक भव्य संगीत समारोह का आयोजन किया गया । शाम का मुख्य आकर्षण प्रसिद्ध गायिका उषा उत्थुप का लाइव प्रदर्शन था। उन्होंने विभिन्न शैलियों और भाषाओं में अपने कई प्रतिष्ठित गीत गाय। अपनी विशिष्ट भारतीय पोशाक पहने, उषा उत्थुप ने अपनी प्रेरक जीवन कहानी भी साझा की। उन्होंने बताया कि उन्हें कई कठिनाइयों का सामना किया लेकिन उन्होंने कभी भी हार नहीं मानी । इस शाम में न केवल विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता का जश्न मनाया गया, बल्कि उषा उत्थुप की यात्रा में निहित दृढ़ता और व्यक्तित्व की भावना का भी जश्न मनाया गया।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में उस समय दहशत फैल गई जब डीसी कार्यालय और कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। प्रशासन को एक ईमेल प्राप्त हुई जिसमें बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और एहतियात के तौर पर डीसी कार्यालय और कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र की गहन तलाशी ली। हालांकि, अभी तक किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच अभी भी जारी है। पुलिस प्रशासन ने एक मामला दर्ज कर लिया है और ईमेल भेजने वाले की पहचान और ठिकाने का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। जिले में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा:हिमाचल प्रदेश के छोटे से गाँव पंचरुखी की रहने वाली मात्र सात वर्षीय आशवी धीमान ने अपनी प्रतिभा से सबको आश्चर्यचकित कर दिया है। हाल ही में उन्हें जिला बिलासपुर के घुमारवीं में आयोजित हिमालय श्री अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया, जहाँ बॉलीवुड हस्तियाँ रंजीत बेदी और राहुल रॉय मुख्य अतिथि थे। आशवी अपने पहाड़ी नृत्य, मॉडलिंग और हिमाचल की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने दिल्ली, नोएडा, पंजाब, हरियाणा, देहरादून, चंडीगढ़, जयपुर और हिमाचल के कई मंचों पर अपनी कला का प्रदर्शन किया है। इसके अतिरिक्त, वह टीवी सीरियल "देवआचल की प्रेम कहानी" में भी छोटी देवी माँ की भूमिका निभा रही हैं। आशवी ने कुलविंदर बिल्ला, अमृत मान, ईशांत भारद्वाज, और अन्य कई प्रसिद्ध कलाकारों के साथ मंच साझा किया है। इतनी कम उम्र में, आशवी ने हिमाचल के लिए उल्लेखनीय काम किया है, जिसके लिए उन्हें विधायक विवेक शर्मा और एसडीएम देहरा द्वारा राज्य स्तरीय कालेश्वर महादेव मेले में भी सम्मानित किया गया। आशवी ने हाल ही में दो दिनों में तीन पुरस्कार जीते हैं, जिसमें भीमराव अंबेडकर जयंती पर दा फेयर विजन फाउंडेशन द्वारा डॉ. आंबेडकर आदर्श अवार्ड शामिल है। पिछले ग्यारह महीनों में उन्होंने 30 अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए हैं। पुरस्कार प्राप्त करने पर आशवी ने इसे अपने लिए गर्व और प्रेरणा का स्रोत बताया और अपनी संस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। उन्होंने बच्चों को बुरी संगत और नशे से दूर रहने और अपनी संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया। आशवी और उनके माता-पिता ने आशा किरण संस्थान, दा फेयर विजन फाउंडेशन और स्थानीय नेताओं का आभार व्यक्त किया।
डाडासीबा में हाल ही में हुई हिंसक झड़प की कामगार बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरिंदर मनकोटिया ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह घटना शराब ठेकेदारों और अवैध शराब विक्रेताओं के बीच हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों ने पुलिस चौकी में जाकर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मनकोटिया ने मुख्यमंत्री के नशा कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि पुलिस अपना काम ईमानदारी से कर रही है। उन्होंने युवाओं के इस व्यवहार को अशोभनीय बताते हुए कहा कि अवैध शराब बेचना और पुलिस चौकी में तोड़फोड़ करना गलत है। उन्होंने नशा कारोबार में लिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मनकोटिया ने नशे के खिलाफ लड़ाई में विपक्ष से भी सहयोग की अपील की और इस मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर कांग्रेस को बदनाम करने के प्रयासों की निंदा की। उन्होंने युवाओं से गलत रास्ते पर जाने के बजाय मुख्यधारा में शामिल होकर देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
हिमाचल प्रदेश के मौसम विभाग ने 17 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने चंबा, कांगड़ा और कुल्लू के लिए आंधी, बिजली गिरने और वर्षा के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात और वर्षा की संभावना बनी रहेगी। 17 अप्रैल को भी इन तीन जिलों में आंधी और बिजली गिरने के साथ वर्षा का यलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद, 18 और 19 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों में आंधी के साथ भारी ओलावृष्टि और वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में खराब मौसम के कारण जान-माल का नुकसान हो सकता है, साथ ही खेतों में फसलों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना है।विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर 20 अप्रैल तक बना रहेगा, और इस दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज अस्थिर रहेगा। लोगों को सुरक्षित रहने और मौसम संबंधी सलाहों का पालन करने की अपील की गई है। सम्भावित बर्फबारी और बारिश के कारण पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को यात्रा करने में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
कुल्लू जिले के आनी विधानसभा क्षेत्र के निरमंड में पिछले साल आई विनाशकारी बाढ़ के नौ महीने बीत जाने के बाद भी, स्थानीय निवासियों का जीवन अभी भी संकट में है। क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार ने इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार पर उदासीनता और भेदभाव का आरोप लगाया है। निरमंड के चायल और जवागी पंचायतों के कई गांवों के लोग, जिनमें स्कूली बच्चे भी शामिल हैं, अभी भी खतरनाक लकड़ी के अस्थायी पुलों का उपयोग करने के लिए मजबूर हैं। यह पुल न केवल असुरक्षित हैं, बल्कि हर दिन सैकड़ों ग्रामीणों के लिए एक बड़ा खतरा भी हैं। विधायक लोकेंद्र कुमार ने बताया कि यह क्षेत्र श्रीखंड महादेव यात्रा के बेस कैंप के रूप में भी जाना जाता है, जो केवल दो महीने दूर है। उन्होंने सरकार की निष्क्रियता पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि अभी तक सड़कों की मरम्मत नहीं हुई है, जिससे आगामी तीर्थयात्रा पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि समेज और बागीपुल में प्रभावित लोगों को 7 लाख रुपये के मुआवजे के बजाय केवल 20,000 और 50,000 रुपये दिए गए, जबकि पड़ोसी शिमला जिले में पूरा मुआवजा दिया गया।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, खेल उत्कृष्टता केंद्र, वेद व्यास परिसर, बलाहर में समस्त परिसरों के खो-खो (लड़कियाँ) और कबड्डी (लड़कों) के खिलाड़ियों के लिए एक खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 21 जनवरी 2025 से 13 अप्रैल 2025 तक चला और इसका उद्देश्य पारंपरिक भारतीय खेलों को प्रोत्साहित करना और छात्रों की शारीरिक और मानसिक क्षमता को निखारना था। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत संचालित एक प्रमुख संस्थान है, जो संस्कृत शिक्षा के प्रचार-प्रसार और अनुसंधान के साथ-साथ छात्रों के समग्र विकास को बढ़ावा देता है। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों, जैसे श्री रणबीर परिसर, जम्मू, जयपुर परिसर, जयपुर, श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर, देवप्रयाग, नासिक परिसर, नासिक, श्री सदाशिव परिसर, पुरी, एवलव्य परिसर, अगरतला, श्री राजीव गांधी परिसर, श्रृंगेरी और वेदव्यास परिसर, बलाहर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। 12 सप्ताह के इस गहन शिविर में, खिलाड़ियों को खो-खो और कबड्डी का गहन प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. संजय कुमार मनकोटिया ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को आगामी सत्र में अंतर विश्वविद्यालय, खेलो इंडिया और अन्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था। कार्यक्रम के समापन समारोह में, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर श्रीनिवास बरखेड़ी ने ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए परिसर की निदेशिका प्रोफेसर सत्यम कुमारी, कार्यक्रम संयोजक डॉ. संजय कुमार मनकोटिया और समस्त वेद व्यास परिवार को बधाई दी। उन्होंने छात्रों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आने वाले समय में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों में अच्छा प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के सारस्वत अतिथि श्री जागीर सिंह रंधावा (पूर्व अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी) ने खेलों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया और इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने इस विश्वविद्यालय से आने वाले समय में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को पुरस्कार देने की घोषणा भी की। परिसर की निदेशिका प्रोफेसर सत्यम कुमारी ने खिलाड़ियों को अनुशासन में रहकर खेलों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया और कुलपति महोदय का आभार जताया। इस कार्यक्रम में खो-खो के कोच श्री पूर्ण चंद कटोच और कबड्डी के कोच श्री रतनलाल ठाकुर को उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में अनुभाग अधिकारी अनुराधा शर्मा, व्याकरण विभाग के सहायक आचार्य महात्मा वीनापाणी, डॉ. रामचंद्र एच.डी., शंकर बाबूराव आँधले और समस्त परिसरों से प्रशिक्षण हेतु आए छात्र ऑनलाइन माध्यम से मौजूद रहे।
जयसिंहपुर/नरेंद्र डोगरा: हिमाचल प्रदेश के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने लेखक, कवि, साहित्यकार, गीतकार, पत्रकार और लोकगायक जोगिंदर राणा द्वारा लिखित धार्मिक पुस्तक 'नाग लोक की रहस्यमयी यात्रा' का विमोचन किया। इस पुस्तक में मानव जीवन और नाग सर्प देवों के बीच संबंध, उनके प्रति आस्था और विश्वास की घटनाओं का संकलन है। यह पुस्तक नागलोक की विस्तृत धार्मिक यात्रा का वर्णन करती है, जिसमें पहाड़ी संस्कृति के अभिन्न अंग नाग सर्प देवों, श्रीमद्भगवद्गीता में नागों का उल्लेख, हिमाचल प्रदेश और कुमाऊं गढ़वाल के विभिन्न नाग मंदिरों, गुगा नवमी, नागपंचमी और कांगड़ा जिले के ऐतिहासिक नाग नगुली मंदिर की भौगोलिक स्थिति और यात्रा का वर्णन शामिल है। इसके अतिरिक्त, पुस्तक में नाग पूजा, विष, धार्मिक भजन और नाग देव की आरती भी शामिल है। यह विमोचन समारोह शांता कुमार के यामिनी स्थित निवास पर आयोजित किया गया था, जिसमें पंचायत समिति पंचरूखी के पूर्व चेयरमैन रमेश भाऊ, सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक न्यू इंडिया एश्योरेंस डॉ. हरजीत सिंह, सेवानिवृत्त सहायक अभियंता संजय मेहरा, सेवानिवृत्त शास्त्री रणजीत शास्त्री और जिला लंबरदार संघ, कांगड़ा के प्रधान रघुवीर राणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
जसवां: परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते राज्यस्तरीय कालेश्वर बैसाखी 2025 मेले में एक 19 वर्षीय कब्बडी ख़िलाडी पर ग्रिप से हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बता दें इस संदर्भ में रक्कड़ थाना में कुछ युवाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक 13 अप्रेल को कर्ण चेतरी व उसका दोस्त गौरव ठाकुर कबड्डी टूर्नामेंट जीतकर बैसाखी मेले में पहुंचे थे। इस दौरान उनपर कुछ युवाओं द्वारा हमला कर दिया गया जिसपर कर्ण चेतरी बुरी तरह से जख्मी हो गया। बताया जा रहा है कि घायल युवा के जबड़े में गम्भीर चोट आई है, जिसका इलाज टांडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। सूचना के मुताबिक कब्बडी खिलाड़ी कर्ण चेतरी के जबड़े का आगामी कल ऑपरेशन भी होना है। हमले के दौरान घटनास्थल पर काफी युवा एकत्रित हो गए । गौरतलब रहे कि घटना को अंजाम देने के बाद मौके से हमलावर गायब हो गए। मामले की पुष्टि करते हुए रक्कड़ थाना प्रभारी किशोर चंद ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी कार्यवाई शुरू कर दी है। हमलावरों को किसी भी सूरत बक्शा नहीं जाएगा बरहाल अभी मामले की तफ्तीश जारी है।
हिमाचल दिवस पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दुर्गम पांगी घाटी के धनवास में एक मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र की आधारशिला रखी। इस परियोजना को लगभग 10.50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नवंबर, 2025 से पहले पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस परियोजना के स्थापित होने से पांगी घाटी की सभी 19 पंचायतों को सर्दियों में भी निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना में 500 किलोवाट की बैटरी स्टोरेज सुविधा से रात के समय भी बिजली की आपूर्ति होगी। इससे क्षेत्र में लोड शैडिंग की समस्या समाप्त होगी और विद्युत व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि 2.2 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित होने वाले इस संयंत्र में 2,400 सौर पैनल लगाए जाएंगे जिससे हरित ऊर्जा का उत्पादन होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में नवीकरणीय ऊर्जा पर विशेष बल दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को 31 मार्च, 2026 तक हरित ऊर्जा राज्य बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है और इस दिशा में हरसंभव प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने करयास पंचायत के चार महिला मण्डल भवनों के निर्माण के लिए 25-25 लाख रुपये तथा इनमें आवश्यक सामान की खरीद के लिए एक-एक लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने करयास पंचायत में मंदिर सड़क के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक सुन्दर सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम और विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
अब चम्बा जिले की महलाओं को भी इंदिरा गांधी सम्मान निधि योजना के तहत 1500-1500 रुपए का लाभ मिलेगा। ये घोषणा आज हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पांगी घाटी में आयोजित कार्यक्रम में की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने पांगी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सीएम ने पांगी घाटी की महिलाओं को इंदिरा गांधी सम्मान निधि योजना के तहत 1500-1500 रुपए की तीन किस्त जारी करने की घोषणा का ऐलान किया और कहा कि यह किस्तें अप्रैल, मई और जून के महीनों के लिए हैं, और जल्द ही महिलाओं के खातों में आ जाएंगी। मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रदेश की बाकी पात्र महिलाओं को भी यह सम्मान निधि जल्द ही मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने पांगी के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, जिनमें सिविल हॉस्पिटल पांगी को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान बनाना, पांगी घाटी में 10 लीटर का मिल्क प्लांट स्थापित करना और राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलना शामिल है। उन्होंने पांगी के साच में तहसील बनाने की भी घोषणा की और क्षेत्र में 62 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने राज्य कर्मचारियों को भी बड़ी राहत देते हुए 1 जून से डीए की तीन प्रतिशत अतिरिक्त किस्त जारी करने की घोषणा की। इसके साथ ही, 70 से 75 वर्ष के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बकाया एरियर का भुगतान भी किया जाएगा। पांगी घाटी के बेरोजगार युवाओं के लिए 20 बस परमिट जारी करने का भी ऐलान किया।
मां शूलिनी सेवा ट्रस्ट ने गर्मी के मौसम में सोलन शहर के लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मां शूलिनी मंदिर के पास स्थित बावड़ी की सफाई का महत्वपूर्ण अभियान चलाया। गर्मियों में पानी की मांग बढ़ जाती है, और बावड़ी की नियमित सफाई से पानी में मौजूद गंदगी, कीटाणु और हानिकारक पदार्थ दूर होते हैं, जिससे यह पीने और उपयोग के लिए सुरक्षित रहता है। ट्रस्ट के संस्थापक सूरज शानू ने बताया कि यह अभियान उनके संगठन के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है, और वे पहले भी सोलन शहर और आसपास के इलाकों में ऐसे सफाई अभियान आयोजित करते रहे हैं। उनका मानना है कि स्वच्छ पानी लोगों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है, और वे इस दिशा में अपना योगदान देते रहेंगे। इस सफाई अभियान में स्थानीय स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिनमें शुभी, रिशु, भूमि, सरगम, निशिता, वंदना, सान्या और मोहित शामिल थे। इन स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयासों से बावड़ी की सफाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिससे स्थानीय निवासियों को स्वच्छ पानी मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को जिला चम्बा के पांगी प्रवास के दौरान क्षेत्रवासियों के लिए करोड़ो रुपये लागत की 14 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री किलाड़ में 3.75 करोड़ रुपये लागत के कृषि विभाग के आवासीय कमरों, राजकीय उच्च विद्यालय लुज में 1.5 करोड़ रुपये लागत से बनने वाले अतिरिक्त कमरों, राजकीय उच्च विद्यालय मिंधल में 1.5 करोड़ रुपये की लागत के अतिरिक्त कमरों, किलाड़ में 2.13 करोड़ रुपये की लागत के मार्केट यार्ड, किलाड़ में 49.42 लाख रुपये लागत के राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के नए कार्यालय, 1.99 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले स्वास्थ्य उप-केन्द्र रेई तथा 1.99 करोड़ रुपये की लागत के स्वास्थ्य उप-केन्द्र हुडान का शिलान्यास किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने 20.88 करोड़ रुपये लागत से निर्मित मिनी सचिवालय भवन किलाड़, 5.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आईटीआई भवन किलाड़, किलाड़ में 5.29 करोड़ रुपये लागत से निर्मित बस स्टेंड, किलाड़ में 2.98 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टेंड के लिए वैकल्पिक मार्ग, 19.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नागरिक अस्पताल किलाड़ का भी लोकार्पण किया। वही मुख्यमंत्री ने किलाड़ में हि.प्र. राज्य सहकारी बैंक के एटीएम का शुभारम्भ भी किया तथा किलाड़ में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह परिसर में पौध रोपण कार्यक्रम में भाग लिया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को हमीरपुर दौरे के दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र और जिले के आठ विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उनके साथ विधायक सुरेश कुमार, विधायक कैप्टन रंजीत राणा, राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। उपायुक्त कार्यालय परिसर में मुख्यमंत्री का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने अंबेडकर जयंती की बधाई देते हुए कहा कि बाबा साहेब ने देश के संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और आज हमें उनके बनाए संविधान की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने हमीरपुर के डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में जल्द ही नेफ्रोलॉजी और न्यूरोलॉजी विभाग शुरू करने की घोषणा की, जिससे किडनी और तंत्रिका संबंधी बीमारियों के इलाज में लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने हमीरपुर में उत्तर भारत का सबसे बड़ा कैंसर संस्थान स्थापित करने की भी घोषणा की, जिसके लिए 85 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों के प्रमुखों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए नीति तैयार की जाएगी और मेडिकल कॉलेज हमीरपुर का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा। उपायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकार की व्यवस्था परिवर्तन और प्रदेश को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने पिछली भाजपा सरकार पर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और शिक्षा व स्वास्थ्य के स्तर में गिरावट लाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार इन कमियों को दूर कर जनता को बेहतर सुविधाएं देने के लिए कृतसंकल्प है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर हमीरपुर का दौरा किया। जहाँ उन्होंने डीसी कार्यालय में बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण किया। देश के संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि अर्पित की और संविधान की रक्षा के लिए सभी से एकजुट होने का आग्रह किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने हमीरपुर के डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में नेफ्रोलॉजी और न्यूरोलॉजी विभागों की स्थापना की घोषणा की। जिससे मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी, नसों और गुर्दे से संबंधित बीमारियों के इलाज में स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने हमीरपुर में उत्तरी भारत के सबसे बड़े कैंसर संस्थान की स्थापना की भी घोषणा की। जिसके लिए 85 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। क्षेत्र में विकास को बढ़ावा देने के लिए, उन्होंने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र और जिले में आठ विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। डीसी कार्यालय परिसर में आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस कार्यक्रम में विधायक सुरेश कुमार, विधायक कैप्टन रंजीत राणा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शिमला से एक और साइबर ठगी का मामला सामने आया है जिसमें एक सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उन्हें एक फर्जी पॉलिसी में निवेश करने का लालच देकर 28 लाख रुपये ठग लिए। इस घटना के बाद, बुजुर्ग का परिवार भी उन्हें अकेला छोड़कर चला गया, जिससे उनकी मानसिक स्थिति और भी खराब हो गई। साइबर अपराधियों ने 2020 में बुजुर्ग से संपर्क किया और उन्हें एक आकर्षक पॉलिसी में निवेश करने का झांसा दिया। बुजुर्ग ने उनकी बातों में आकर 28 लाख रुपये का निवेश कर दिया। लेकिन, जब उन्हें अपने पैसे वापस नहीं मिले और वे ठगों से संपर्क करने में असमर्थ रहे, तो उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ। लाखों रुपये की ठगी होने के कारण, बुजुर्ग अपने परिवार को इस बारे में बताने से डरते रहे। जब उन्हें सच्चाई पता चली, तो उनके बच्चे और पत्नी गलतफहमी के कारण उन्हें छोड़कर चले गए।बुजुर्ग ने हताश होकर साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम सेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस स्टेशन को सूचित किया और जांच अधिकारी को बुजुर्ग के घर भेजा। पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए और बैंक से विवरण निकालकर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी साइबर अपराधियों के लिए आसान शिकार होते हैं। इसकी मुख्य वजह यह है कि उनके पास सेवानिवृत्ति के बाद अच्छी खासी जमापूंजी होती है। यह घटना साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे का एक और उदाहरण है। साइबर अपराधी लोगों को उपहार, फर्जी पॉलिसी, डिजिटल गिरफ्तारी और शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर ठग रहे हैं। साइबर क्राइम सेल ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के झांसे में न आएं और किसी भी निवेश से पहले अच्छी तरह से जांच पड़ताल कर लें। यदि आपको कोई संदेह हो, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
जिला बिलासपुर के अंतर्गत झंडूता विधानसभा क्षेत्र में पिता द्वारा ही अपनी नाबालिग बेटी के साथ दु.ष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पिता बेटी के साथ बचपन से ही अ.श्लील हरकतें करता था। कई बार अपनी ही बेटी के साथ संबध बनाए। अब पुलिस प्रशासन के समक्ष यह मसला पहुंचा है। पुलिस ने नाबालिग की शिकायत पर महिला थाना बिलासपुर में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुछ दिन पहले चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने इस नाबालिग से मुलाकात की। नाबालिग 12वीं कक्षा की छात्रा है। नाबालिग ने कहा है कि उसने अपने पिता को ऐसी हरकत पर रोका, लेकिन पिता ने कहा कि सभी ऐसा ही करते हैं। लड़कियां भी अपना बॉयफ्रेंड इसलिए ही बनाती हैं। यहां तक कि पिता ने उसकी पढ़ाई भी बंद करवा दी। पहले भी नाबालिग ने पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन वापस ले ली थी। उधर, डीएसपी हैडक्वार्टर मदन धीमान ने कहा कि महिला थाना बिलासपुर में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
रिवालसर में वार्ड -3 में हुए एक सड़क हादसे में एक स्कूटी सवार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान धर्म दास उम्र 58 गांव डोह, तहसील बल्ह जिला मंडी के रूप हुई है। हादसा शनिवार सायं 6बजे के करीब हुआ है। जानकारी के अनुसार धर्मदास स्कूटी पर सवार होकर रिवालसर बाजार से देहरी गल्लू की तरफ जा रहा था कि रिवालसर बाजार स्थित वार्ड -3 के पास उसकी स्कूटी अचानक स्किड हो गई और घायल व्यक्ति घसीटता हुआ धर्मपुर से मंडी जा रही एचआरटीसी बस के पिछले टायर की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की वजह दिन भर बारिश से सड़क पर हुई फिसलन बताया जा रहा। वंही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी हैडक्वाटर मंडी दिनेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हादसे के कारणों को लेकर जांच में जुट गई है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में रविवार को सुबह 9:18 बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र सुंदरनगर के जैदेवी क्षेत्र में स्थित था। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से लगभग 7 किलोमीटर नीचे था। भूकंप के झटके महसूस होने के बाद लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और स्थिति को लेकर आशंकित रहे। भूकंप के झटकों के कारण किसी भी प्रकार के जनहानि या संपत्ति का नुक्सान होने की कोई सूचना नहीं है। स्थानीय प्रशासन ने इलाके में स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्यों को सुनिश्चित किया।
जम्मू के अखनूर सेक्टर में शुक्रवार रात पाकिस्तान रेंजरों ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन किया। गोलीबारी में भारतीय सेना के सूबेदार कुलदीप चंद शहीद हो गए। वह हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कोहलवीं गांव के निवासी थे। कुलदीप चंद और उनकी टीम ने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया, लेकिन इसी दौरान उन्हें गोली लग गई। अस्पताल ले जाने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वह हाल ही में दो महीने की छुट्टी के बाद ड्यूटी पर लौटे थे। शहीद अपने पीछे पत्नी, एक बेटा, एक बेटी और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। जैसे ही शहादत की सूचना गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मुख्यमंत्री ने जताया शोक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शहीद जवान की शहादत पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा “मेरे विधानसभा क्षेत्र नादौन के कोहलवीं गांव निवासी कुलदीप कुमार जी के शहीद होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। देश की सेवा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई सेना और जिला प्रशासन की ओर से शहीद के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान के साथ उनके गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्थानीय विधायक और सैन्य अधिकारी भी श्रद्धांजलि देने उपस्थित रहेंगे।
जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा:जयसिंहपुर के लंबागांव स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला में विश्व सुख स्वास्थ्य अभियान 2025 के तहत एक दिवसीय दंत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लंबागांव की दंत चिकित्सा टीम ने, जिसमें दंत चिकित्सक डॉ. एला चौधरी और डैंटल हाइजिनिस्ट मुनीश कुमार शामिल थे। इस दौरान पाठशाला के सभी बच्चों और शिक्षकों के दांतों की जांच की। शिविर में, बच्चों और शिक्षकों को दांतों के स्वास्थ्य और रखरखाव के बारे में जागरूक किया गया, उन्हें सही तरीके से ब्रश करने और मुंह की स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में बताया गया। इस शिविर का उद्देश्य बच्चों और शिक्षकों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ दांतों के महत्व के बारे में शिक्षित करना था।
जिला कुल्लू के बंजार क्षेत्र में हाईवे 305 (NH-305) को जोड़ने वाला मैंगलौर पुल शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे भरभराकर गिर गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदा एक भारी ट्रक पुल से गुजरते समय हादसे का कारण बना, जिससे पुल धराशायी हो गया और हाईवे 305 पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई। घटना में ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं और उसे मौके पर ही प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। गनीमत रही कि हादसे के समय पुल पर अधिक यातायात नहीं था, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। बता दें कि यह पुल 1980 के आसपास निर्मित किया गया था और यह मंडी और कुल्लू जिलों की सीमा को जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख मार्ग था। पुल के टूटने से न केवल स्थानीय निवासियों की आवाजाही प्रभावित हुई है, बल्कि पर्यटक भी फंसे हुए हैं। लोग जान जोखिम में डालकर खड्ड को पार कर रहे हैं, जिनमें स्थानीय लोगों ने भी सहयोग प्रदान किया। डीडीएमए कुल्लू के अनुसार, एसडीओ बंजार (NH-305) टहल सिंह ने बताया कि मार्ग बहाल करने हेतु वैकल्पिक रास्ता तैयार करने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनरी तैनात कर दी गई है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और अस्थायी पुल या वैकल्पिक मार्ग बनाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि हादसे की सूचना सुबह ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI)को दे दी गई है और जल्द ही अस्थायी व्यवस्था कर यात्रियों को राहत प्रदान की जाएगी।
नरेंद्र डोगरा/ जयसिंहपुर विश्व सुख स्वास्थ्य अभियान 2025 के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला लंबागांव में एक दिवसीय दंत चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लंबागांव की दंत चिकित्सा टीम द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें प्रमुख रूप से दंत चिकित्सक डॉ. एला चौधरी एवं डेंटल हाइजिनिस्ट मुनीश कुमार शामिल रहे। शिविर के दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की दंत जांच की गई। साथ ही, बच्चों को दांतों की देखभाल, सही ब्रश करने की विधि, और मुंह की स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। डॉ. एला चौधरी ने बच्चों को बताया कि दांतों की सफाई केवल सौंदर्य के लिए नहीं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों में बचपन से ही अच्छे दंत स्वच्छता के आदतें विकसित करना बेहद जरूरी है। शिविर के अंत में विद्यार्थियों को दंत सुरक्षा से संबंधित पंफलेट वितरित किए गए और कुछ बच्चों को विशेष देखभाल हेतु फॉलोअप सलाह भी दी गई। विद्यालय प्रबंधन एवं बच्चों ने इस शिविर को अत्यंत लाभकारी बताया और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया।
उदयपुर से किलाड़/पांगी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग दिनांक 10 अप्रैल को कडू नाला के पास हुए भूस्खलन के कारण पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इस मार्ग पर हुई भारी चट्टान गिरने की घटना के तुरंत बाद जिला पुलिस ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए सीमा सड़क संगठन (BRO) के साथ समन्वय स्थापित किया और राहत कार्य शुरू करवाया। BRO द्वारा मौके पर मलबा हटाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। BRO अधिकारियों के अनुसार, मार्ग को दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे के बीच हल्के वाहनों के लिए खोलने की संभावना है। मौके पर BRO और जिला पुलिस की टीमें लगातार मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। 130 पुलिस कर्मियों और यात्रियों को सुरक्षित ठहराया गया भूस्खलन के चलते मार्ग पर फंसे सभी यात्रियों को जिला पुलिस द्वारा सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इसके अतिरिक्त, मौके पर ड्यूटी पर तैनात 130 पुलिस कर्मियों को भी सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि जैसे ही मार्ग आवागमन के लिए पूर्ण रूप से सुरक्षित घोषित किया जाएगा, यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया जाएगा। पुलिस की अपील: अफवाहों से बचें, सहयोग करें इस संबंध में उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) ने आमजन से अपील की है कि वे जिला प्रशासन और BRO का सहयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी किए जा रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 63 वर्षीय बुजुर्ग को 'सीआईडी अधिकारी' बनकर एक व्यक्ति ने लूट लिया और चलती कार से बाहर फेंक दिया। रोहड़ू के रहने वाले हरि लाल अपनी बीमार पत्नी का इलाज कराने 10 अप्रैल को आईजीएमसी शिमला आए थे। जब वह लक्कड़ बाजार से कंबल खरीदकर लौट रहे थे, तो एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें लिफ्ट देने की पेशकश की। कार में बैठने के बाद, आरोपी ने खुद को सीआईडी अधिकारी बताया और उनसे पैसों की मांग की। बुजुर्ग के इनकार करने पर, आरोपी ने उनसे जबरन 29,000 रुपये छीन लिए और उन्हें चलती कार से धक्का देकर फरार हो गया। इस घटना ने लक्कड़ बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां एक पुलिस चौकी भी स्थित है। पुलिस ने हरि लाल की शिकायत के आधार पर धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुटी है। एसपी शिमला संजीव गांधी ने कहा है कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शुक्रवार रात लगभग 3:30 बजे एक बड़ी दुर्घटना घटी, जब बंजार को जोड़ने वाला मैंगलोर पुल अचानक धराशायी हो गया। यह पुल हाईवे 305 का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था, और इसके गिरने से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई है। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस समय हुआ जब सीमेंट से लदा एक ट्रक पुल से गुजर रहा था, जिसके भारी वजन के कारण पुल टूट गया।डीडीएमए कुल्लू के अनुसार, इस दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं। पुल के गिरने के बाद, प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए तुरंत मशीनें तैनात कर दी हैं, लेकिन स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया में कई दिन लग सकते हैं। यह पुल 1980 के आसपास बनाया गया था और मंडी और कुल्लू की सीमा को जोड़ने वाला एकमात्र रास्ता था, जिससे स्थानीय लोगों को भारी असुविधा हो रही है। प्रशासन अस्थायी पुल या वैकल्पिक व्यवस्था की बात कर रहा है, लेकिन इसमें लगने वाला समय अभी अनिश्चित है।
हिमाचल परिवहन सेवा निवृत कर्मचारी कल्याण मंच हिमाचल प्रदेश का एक शिष्टमंडल पुर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धुमल के 82वें जन्म दिन पर उनके निवास समीरपुर में प्रदेशाध्यक्ष वृज लाल ठाकुर की अध्यक्षता में उन्हें बधाई देने पहुंचा। जिसमें प्रदेश महां मन्त्री रूप चन्द शर्मा, प्रदेश अतिरिक्त मन्त्री राम लाल ठाकुर, अर्की इकाई के अध्यक्ष वलबीर चौधरी, बिलासपुर इकाई के अध्यक्ष प्रेम लाल ठाकुर, हमीरपुर इकाई के कोषाध्यक्ष राम लाल आदि मौजूद रहे व प्रेम कुमार धूमल को फूलों का गुलदस्ता देकर जन्म दिन की वधाई दी तथा उनकी दीर्घ आयु की कामना की। बृजलाल ठाकुर ने बताया कि उसके उपरांत शिष्टमंडल माननीय सांसद अनुराग ठाकुर से भेंट की मिला तथा उन्हें परिवहन निगम की स्थिति वारे अवगत करवाया और केंद्र से परिवहन निगम को आर्थिक सहायता दिलवाने के लिए आग्रह किया गया ।
जयसिंहपुर/नरेंद्र डोगरा: जयसिंहपुर उपमंडल की सकोह पंचायत में सिद्ध बाबा घाशी राम बैसाखी छींज मेला 12 से 16 अप्रैल तक धूमधाम से मनाया जाएगा। मेला कमेटी के प्रधान अजय शर्मा ने बताया कि मेले की शुरुआत 12 अप्रैल 2025 को काली माता की झांकी, रात्रि जागरण और भंडारे के साथ होगी, जिसके बाद माड़ीनौण (स्नान) का आयोजन होगा। 13 अप्रैल को सूबेदार वीरेंद्र कुमार द्वारा वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा, जिसका समापन सूबेदार स्वरूप धीमान करेंगे। 15 अप्रैल को 18 वर्ष से कम आयु के युवकों की कुश्ती प्रतियोगिता होगी, जिसका शुभारंभ कपिल सपहिया करेंगे। मेले का समापन 16 अप्रैल को कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा की उपस्थिति में होगा, जहाँ कुश्ती के विजेता को 31,000 रुपये और उपविजेता को 21,000 रुपये से सम्मानित किया जाएगा। यह मेला स्थानीय लोगों के लिए सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व रखता है, जिसमें खेलकूद और धार्मिक गतिविधियों का संगम देखने को मिलेगा।
आदेशक गृह रक्षा, नवीं वाहिनी धर्मशाला मदनलाल कौशल ने जानकारी दी कि आग से होने वाली हानि को कम करने के उद्देश्य से जनता में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के लिए पूरे देश में हर वर्ष 14 अप्रैल से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाता है। इसके अनुरूप हिमाचल प्रदेश अग्निशमन विभाग भी 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सप्ताह मनाएगा, जिसमें पूरे राज्य में कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन किया जायेगा। जिसका विषय ‘एकजुट हों, होगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान आयोजित किये जा रहे अन्य कार्यक्रर्मों के अलावा राज्य के सभी जिलों में 9वीं से 12वीं तक के स्कूली बच्चों के लिए एक राज्यव्यापी निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि निबंध/पोस्टर प्रतियोगिता के लिए गूगल फॉर्म के माध्यम से एक केन्द्रीय ऑनलाइन पंजीकरण लिंक https://forms-gie/M55oune2Rfp6YX6s5 बनाया गया है उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए लिंक दिया जायेगा, जिसमें छात्र अपने निबंध/पोस्टर अपलोड करके भाग ले सकते हैं। प्रविष्टियों हिंदी या अंग्रेजी में हो सकती हैं। इसके लिए पंजीकरण 11 अप्रैल से शुरू होगा और प्रविष्टियां 16 अप्रैल शाम 5 बजे तक प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के लिए निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता के राज्य स्तरीय विजेताओं को नगद पुरस्कार दिए जायेंगें तथा 18 अप्रैल को प्रतियोगिता का राज्य विजेता का चयन किया जायेगा।
उद्योग, संसदीय कार्य तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान 15 अप्रैल को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित किए जाने वाले ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में मुख्यातिथि होंगे। यह जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। मनमोहन शर्मा ने कहा कि हर्षवर्द्धन चौहान 15 अप्रैल को प्रातः 10.40 बजे शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री तदोपरांत प्रातः 10.58 बजे ऐतिहासिक ठोडो मैदान पहुंचेंगे और 11.00 बजे ध्वजारोहण करेंगे। उन्होंने कहा कि ध्वजारोहण के उपरांत उद्योग मंत्री परेड का निरीक्षण करेंगे एवं सलामी लेंगे। उन्होंने कहा कि ज़िला स्तरीय समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने सभी से आग्रह किया बड़ी से बड़ी संख्या में ठोडो मैदान पहुंचकर कार्यक्रम का आनन्द उठाएं।
आलमपुर/नरेंद्र डोगरा: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के जिला कांगड़ा के प्रवेश द्वार आलमपुर पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। यह स्वागत समारोह पूर्व विधायक रविंद्र धीमान के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अनुराग ठाकुर पंचरुखी में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए जा रहे थे, इसी दौरान जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस मौके पर जयसिंहपुर वार्ड से जिला पार्षद संजीव ठाकुर, किसान मोर्चा अध्यक्ष अजय पठानिया, मंडल महामंत्री राजेश सुग्गा, भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह , ग्राम पंचायत आलमपुर की प्रधान शकुंतला देवी, गंदड़ पंचायत की प्रधान विनता कटोच, बालकरूपी पंचायत के प्रधान सुनील चौधरी, जगरूपनगर पंचायत की प्रधान प्रोमिला देवी और जांगल पंचायत की प्रधान कुसुम लता एवं कार्यकर्ता मौजूद है।
शूलिनी विश्वविद्यालय में ऊर्जा विज्ञान और प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र (सीईईएसटी) के निदेशक और प्रोफेसर श्याम सिंह चंदेल को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय, यूएसए और एल्सेवियर द्वारा रैंक किए गए विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों के देश के पहले रिसर्च एन्क्लेव में सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में भारत भर के 25 प्रतिष्ठित वैज्ञानिक शामिल हुए, जिन्हें अनुसंधान और नवाचार में अपने करियर के दौरान दिए गए योगदान के लिए विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त है। प्रो. चंदेल, जो लगातार चार वर्षों (2020-2024) से ऊर्जा और स्थिरता क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल हैं, उन्हें अर्पित अग्रवाल, उपाध्यक्ष और प्रो. विक्टर गंभीर, कुलपति, जेईसीआरसी विश्वविद्यालय, जयपुर द्वारा सम्मानित किया गया। प्रो. चंदेल ने अपने सम्बोधन में ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन को रोकने और स्थिरता प्रयासों में तेजी लाने के लिए सौर, पवन, हाइड्रोजन और जल विद्युत सहित अक्षय ऊर्जा प्रौद्योगिकियों पर फोकस करने का आह्वान किया।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक विशेष समुदाय के व्यापारी पर चने और नमकीन पर थूक लगाकर बेचने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में शिमला पुलिस ने अब कार्रवाई करते हुए वीडियो बनाने और सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले तीन लोगों को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने कल्पना शर्मा, श्वेता और विजय को नोटिस भेजा है, जो देवभूमि संघर्ष समिति से जुड़े बताए जा रहे हैं। नोटिस में पुलिस ने उनसे पूछा है कि यदि उनके पास व्यापारी के खिलाफ कोई सबूत हैं, तो वे पुलिस को सौंपें। ऐसा न करने पर पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी। 9 अप्रैल को कालीबाड़ी मंदिर के पास इन तीनों ने व्यापारी पर थूक लगाकर सामान बेचने का आरोप लगाया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो में व्यापारी आरोपों से इनकार करता दिख रहा है। विजय और श्वेता ने बाद में रिज पर मीडिया को भी इसी तरह के बयान दिए और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। इन लोगों ने व्यापारी पर बिना लाइसेंस के खाद्य उत्पाद बेचने का भी आरोप लगाया और नगर निगम से अनुमति न लेने की बात कही। विजय शर्मा ने 10 दिनों के भीतर दुकान न हटाने पर 500 सनातनियों द्वारा शहर के बाजारों में दुकानें लगाने की चेतावनी दी। वायरल वीडियो और आरोपों के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है और अब सबूत मांगे हैं।
काँगड़ा: ज्वालामुखी क्षेत्र के राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सत्यपाल शर्मा को हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षा बोर्ड धर्मशाला का सदस्य नामित किया है।शिक्षा बोर्ड के सदस्य के रूप में नियुक्ति पर, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त अध्यापक सत्यपाल शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, और ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का आश्वासन दिया। ज्वालामुखी ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष दीपक, नगर परिषद अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष दिव्यांशु भूषण दत्त, और युवा कांग्रेस के नीरज शर्मा ने भी सत्यपाल शर्मा की इस नियुक्ति पर खुशी व्यक्त की है।
गुरुवार को, बहुप्रतीक्षित अंतर्राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (आईएमओ) के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें लोटस इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा 1 से 10 तक के छात्रों ने अपनी गणितीय प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी गणितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें से कई शीर्ष स्कोरर बनकर उभरे। अपनी-अपनी कक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को गोल्ड मेडल ऑफ एक्सीलेंस और गोल्ड मेडल ऑफ डिस्टिंक्शन से सम्मानित किया गया, उल्लेखनीय स्कूल और जोनल रैंक हासिल की। स्कूल परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया, जहाँ छात्रों को स्कूल अधिकारियों से पदक और प्रमाण पत्र प्राप्त करते हुए देखा गया। उन्होंने ओलंपियाड के लिए मार्गदर्शन और तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले समर्पित शिक्षकों के साथ गर्व से तस्वीरें भी खिंचवाईं। प्रिंसिपल पंकज शर्मा, स्कूल प्रबंधन के सदस्यों और संकाय ने उपलब्धि हासिल करने वालों को बधाई दी और उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना की। सभी भाग लेने वाले छात्रों को भागीदारी प्रमाण पत्र और प्रदर्शन ग्राफ चार्ट प्रदान किए गए, जिसमें उनकी ताकत और सुधार के क्षेत्रों को दर्शाया गया था। प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने छात्रों और अभिभावकों को बधाई दी और उन्हें भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्लेषणात्मक सोच और समस्या-समाधान कौशल को बढ़ावा देने में आईएमओ जैसी प्रतियोगिताओं के महत्व पर जोर दिया। यह उपलब्धि स्कूल के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है और छात्रों और शिक्षकों की शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
देहरा के खबली दोसड़का और केंद्रीय विश्वविद्यालय के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग-503 का लगभग 25 मीटर हिस्सा गुरुवार शाम को एक निजी भवन के निर्माण के लिए की गई खुदाई के कारण धंस गया। राजमार्ग के किनारे निजी भूमि पर लगभग दो महीने से जेसीबी से खुदाई का कार्य चल रहा था। खुदाई के कारण राजमार्ग का एक हिस्सा धंस गया, और सड़क किनारे लगा बिजली का खंभा भी गिर गया। नजदीकी गांवों में पानी की आपूर्ति के लिए बिछाई गई पाइपलाइन भी हवा में लटक गई है। बिजली का खंभा गिरने से लडाणा और खबली दोसड़का सहित लगभग 40-50 घरों में बिजली गुल हो गई, जिससे निवासियों को गुरुवार रात अंधेरे में बितानी पड़ी। इस घटना पर पूर्व विधायक होशियार सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत मिलने के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने सवाल उठाया कि किसकी शह पर यह काम हो रहा था और विभाग ने इस मामले पर आंखें क्यों मूंद लीं। उन्होंने विभाग पर लीपापोती का आरोप लगाते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है।।
सोलन, 10 अप्रैल 2025: आज दयानंद आदर्श विद्यालय, सोलन द्वारा आर्य समाज सोलन की स्थापना की 101वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक भव्य जुलूस निकाला गया। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया कि आर्य समाज सोलन की नींव स्वामी श्रद्धानंद के पुत्र इंद्र वॉचस्पति द्वारा वर्ष 1924 में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि उस समय सोलन जैसे पर्वतीय क्षेत्र में आर्य समाज की स्थापना होना गर्व की बात थी और सोलन आर्य समाज के अधिकारियों ने इसे पूरी निष्ठा से निभाया है। उन्होंने कहा कि इस शोभायात्रा में कक्षा पांचवी से लेकर 12वीं तक के सभी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वेद प्रचारक, दलित उद्धारक, सत्य प्रचारक, धर्म उद्धारक आर्य समाज जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। यह जुलूस चिल्ड्रन पार्क से शुरू होकर बस स्टैंड तक गया और फिर वहां से आर्य समाज सोलन के नजदीक पहुंचा। वहां छात्रों ने आर्य समाज के सिद्धांतों और कार्यों पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस जुलूस में प्रिंसिपल ऊषा मित्तल, मानद संस्थापक प्रबंधक शशि भूषण मित्तल, मैसेज धर राकेश, चंद्रशेखर, पवन शास्त्री, रत्नेश, मलिक,मो दगिल, श्री पठानिया और विद्यालय के तीनों सेक्शन का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
वीरवार को तहसीलदार देहरा कर्म चंद कालिया की अध्यक्षता में उपमंडल अधिकारी देहरा के कार्यालय में आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम को लेकर बैठक का आयोजन किया गया जिसमें समस्त विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का संचालन जिला इंटर एजेंसी ग्रुप के संयोजक हरजीत भुल्लर ने किया। तहसीलदार देहरा कर्म चंद कालिया ने कहा कि कांगड़ा जिला का देहरा उपमंडल भूकंप के दृष्टि से संवेदनशील जोन में आता है जिसके दृष्टिगत आपदा प्रबंधन को लेकर आधारभूत सुविधाएं जुटाने के लिए दूरगामी प्लान तैयार करना होगा ताकि आपदा से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। बैठक में उपमंडल स्तर पर इंटर एजेंसी ग्रुप बनाने और प्रत्येक पंचायत में डिजास्टर मैनेजमेंट कमेटी का गठन करने को लेकर चर्चा हुई जिसका कार्य प्राकृतिक आपदा के समय प्रारंभिक स्तर पर लोगों को मदद देना होगा । बैठक में हरजीत भुल्लर ने बताया कि आज के समय में भवन का निर्माण भूकंप रोधी इमारत के रूप में किया जाना चाहिए । उन्होंने बैठक में जिला आपदा प्रबंधन कमेटी द्वारा तैयार किए जा रहे आपदा मित्रो के कार्यों की सराहना की और सभी को आपदा मित्रो का प्रशिक्षण लेने के लिए कहा। बैठक में संस्थागत, पंचायत और घरेलू स्तर पर आपदा प्रबंधन योजनाओं को विकसित करने के लिए दिशा-निर्देश स्थापित करन पर चर्चा की गई। बैठक में बीडीओ देहरा मुकेश कुमार ठाकुर , प्रिंसिपल राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला देहरा सुशील कुमार , तहसील कल्याण अधिकारी देहरा विपुल कुमार , स्वाति शर्मा , आरती धीमान , विनोद कुमार , अतुल जरयल , अमन कुमार , निकिता , उषा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
धर्मशाला उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में आगामी माह प्रस्तावित टाटा आईपीएल टी-ट्वेंटी क्रिकेट मैच के लिए खिलाड़ियों तथा दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।वीरवार को धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में जिला प्रशासन तथा एचपीसीए के अधिकारियों के बीच तैयारियों को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि चार मई, आठ मई तथा 11 मई को टाटा आईपीएल टी-टवेंटी के तहत तीन मैच धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने मैच के दौरान खिलाड़ियों तथा दर्शकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पुख्ता कदम उठाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आयोजन के संदर्भ में कानून, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मुरम्मत, शहर की साफ-सफाई तथा अग्निशमन सेवाओं इत्यादि सहित अन्य संबंधित तैयारियों का जायजा लिया और इस बारे आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को मैच के आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को टेस्ट मैच के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को धर्मशाला के आस-पास के क्षेत्र में मुरम्मत योग्य सड़कों का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि आयोजन से पहले धर्मशाला तथा इसके आसपास के क्षेत्रों की सड़कें तथा लाइट व्यवस्था चकाचक होगी। पेयजल, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था के लिए भी प्लान तैयार किया गया है। एसीटूडीसी ने कहा कि मैच के आयोजन के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थलों की नम्बरिंग करके दिशा सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों की सुविधा के लिए निकासी गेटों से पार्किंग स्थलों तक दिशा सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को स्टेडियम में अग्नि संबंधी आपातकालीन प्रबंधों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसएसपी शालिनी अग्निहोत्री ने सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्लान, पार्किंग इत्यादि के प्लान को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। बैठक में नगर निगम के आयुक्त जफर इकबाल सहित एचपीसीए के एचपीसीए प्रबंधकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


















































