ज्वालामुखी क्षेत्र से राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सत्यपाल शर्मा को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा बोर्ड धर्मशाला का सदस्य नामित किया गया है। शिक्षा बोर्ड के सदस्य के रूप में नियुक्ति पर सत्यपाल शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे इस जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करेंगे। शिक्षा बोर्ड में सदस्य नामित किए जाने पर ज्वालामुखी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दीपक, नगर परिषद अध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष दिव्यांशु भूषण दत्त और युवा कांग्रेस नेता नीरज शर्मा ने भी प्रसन्नता व्यक्त की है।
आपदा प्रबंधन के तहत सब-डिविजनल इंटर एजेंसी ग्रुप (SD-IAG) के गठन को लेकर एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर की अध्यक्षता में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक एसडीएम कार्यालय के सभागार में संपन्न हुई। बैठक का संचालन जिला इंटर एजेंसी ग्रुप के संयोजक हरजीत भुल्लर ने किया। इसमें आपदा प्रबंधन योजना की प्रभावी रूपरेखा, स्थानीय सहभागिता, तथा संयुक्त प्रयासों के लिए विभागीय समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीएम संजीव ठाकुर ने पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत ढांचा विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। बैठक में SD-IAG के गठन, उसकी भूमिका, जिम्मेदारियों, स्टाफिंग, स्थान चयन, तथा संसाधनों के आवंटन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मौजूदा संचार प्रणाली को प्रारंभिक तैयारी नेटवर्क, कॉलेज आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र (CERC) और स्कूल क्लस्टर से जोड़ने पर विचार किया गया। इसके अतिरिक्त, पंचायत आपातकालीन प्रतिक्रिया केंद्र और क्लस्टर की स्थापना, तथा उसमें आपदा मित्र, आपदा वीर, सेहत सेवक, वरिष्ठ मंडल, स्वयं सहायता समूह, एनवाईके, डीवाईएसओ और अन्य स्वैच्छिक संगठनों की सहभागिता पर भी चर्चा की गई। बैठक में तहसीलदार अभिषेक , बीडीओ सिकंदर कुमार सहित विभिन्न विभागों के उपमंडल स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने एक बार फिर वैश्विक शैक्षणिक परिदृश्य में अपनी पहचान बनाई है, SCIMAGO संस्थान रैंकिंग 2025 (विश्वविद्यालय) में कई विषय क्षेत्रों और नवाचार मापदंडों में प्रभावशाली सुधार हासिल किए हैं। विश्वविद्यालय ने रसायन विज्ञान और ऊर्जा दोनों में भारत में दूसरा स्थान, पर्यावरण विज्ञान में तीसरा और भौतिकी और खगोल विज्ञान में 9वां स्थान प्राप्त किया है। ये रैंकिंग महत्वपूर्ण वैज्ञानिक क्षेत्रों में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक ताकत और अनुसंधान उत्पादकता को रेखांकित करती है। इसके अलावा गतवर्ष के मुकाबले इस वर्ष राकिंग प्लांट साइंस (35 से 19 रैंक), फूड साइंस (35 से 23 रैंक), और बायोकेमिस्ट्री, जेनेटिक्स और मॉलिक्यूलर बायोलॉजी (105 से 99 रैंक) में उल्लेखनीय सुधार देखे गए हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय ने अपनी भारत-विशिष्ट नवाचार रैंकिंग में सुधार किया है , ओवरऑल ग्लोबल कैटेगरी में शूलिनी ने भारत में 46वां स्थान हासिल किया है। रिसर्च ग्लोबल कैटेगरी में विश्वविद्यालय भारत में 16वें स्थान पर है और सोशियल ग्लोबल कैटेगरी में यह भारत में 208वें स्थान पर है। चांसलर प्रो. पी.के. खोसला ने कहा कि "विषय-विशिष्ट रैंकिंग और नवाचार मापदंडों में शूलिनी विश्वविद्यालय की लगातार वृद्धि हमारी केंद्रित दृष्टि और हमारे संकाय और शोधकर्ताओं के असाधारण समर्पण का प्रमाण है। रिसर्च एंड डेवलपमेंट डीन प्रो. सौरभ कुलश्रेष्ठ ने रैंकिंग पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि हमारे इनोवेशन आउटपुट और विषयवार शोध ताकत साल दर साल मजबूत होती जा रही है। हालांकि, अब हमें अपने शोध को वैश्विक स्तर पर ऊंचा उठाने के लिए शोध प्रकाशनों, सहयोगों और उद्धरणों में और अधिक मजबूती से आगे बढ़ने के लिए खुद को प्रतिबद्ध करना है ।
जिला कांगड़ा से सम्बन्ध रखते समाजसेवी मुकेश कुमार ने कहा कि इन दिनों पत्रकार समाज पर आक्रमण के किस्से बढ़ते ही जा रहे हैं जिसपर प्रशासन को चाहिए कि पत्रकारों को उचित सुरक्षा दी जाए । यही नहीं सोशल मीडिया पर वायरल पत्रकारों के साथ लड़ाई के वीडियो पर भी उन्होंने कटाक्ष किया है। उनका कहना है कि पत्रकार समाज का आईना होता है जो सरकार को वक्त वक्त पर जागरुकत करता है और आम जनमानस की आवाज को बुलंद करता है ऐसे लोकतंत्र का उस ही चौथे स्तम्भ को प्रताड़ित करना कदापि सहन योग्य नहीं । प्रदेश सरकार जल्द इस पर ठोस नीति बनाई ताकि पत्रकार बिना किसी दबाव के निष्पक्षता ओर निडरता से काम करता रहे। समाजसेवी मुकेश कुमार ने कहा कि वह हर दम सभी पत्रकार समाज के साथ हैं
दाड़लाघाट: जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई ने 3 अप्रैल को 9 ग्राम से ज़्यादा चिट्टे के साथ पुलिस ने किया दो लोगों को गिरफ़्तार किया है। पुलिस टीम गश्त के दौरान ये कार्रवाई की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिलासपुर की ओर से एक स्विफ्ट गाड़ी नंबर HP-64B-0642 भराड़ीघाट की तरफ आ रही है, जिसमें मुकेश वर्मा और हितेन्द्र नामक दो युवक चिट्टा लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही SIU टीम ने तुरंत नाकाबंदी की और संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी में बैठे दो युवकों, जिनकी पहचान मुकेश वर्मा (36 वर्ष, निवासी भराड़ीघाट, अर्की, सोलन) और हितेन्द्र (27 वर्ष, निवासी भराड़ीघाट, अर्की, सोलन) के रूप में हुई, के कब्जे से 9 ग्राम से अधिक चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ दाड़लाघाट थाने में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने चिट्टा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। मुकेश वर्मा के खिलाफ दाड़लाघाट में वाहन दुर्घटना और बंजार (कुल्लू) में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है, जिसमें उससे 220 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। वहीं, दूसरे आरोपी हितेन्द्र के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं, जिनमें बंजार में 355 ग्राम चरस और सदर बिलासपुर में 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई थी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। वर्तमान में दोनों न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
हमीरपुर के भोरंज के तहत कड़ोहता में एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, एक 19 साल के युवक ने अपनी मां के सिर पर ईंट से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। दरअसल महिला ने जब सुबह अपने बेटे को पहली मंजिल की खिड़की से लघुशंका करने से रोका तो बेटे ने गुस्से में आकर अपनी मां पर ईंट से वार कर दिया। जिसके बाद पीड़ित महिला का भोरंज अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। कश्मीरी देवी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है। उधर एसपी भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि कड़ोहता में एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी मां के सिर पर ईंट मार दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला सोलन पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे कॉम्प्रिहेंसिव अभियान के तहत अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस अभियान के अंतर्गत पुलिस ने अब तक अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय 125 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 53 नेटवर्क ध्वस्त किए हैं। साथ ही नशे से अर्जित 5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति भी जब्त की गई है। अब इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए जिला पुलिस ने पहली बार प्रिवेंटिव डिटेंशन (निवारक हिरासत) की कार्रवाई की है, जिसके तहत आदतन नशा तस्करों को जेल भेजा जा रहा है ताकि वे दोबारा तस्करी जैसी अपराध गतिविधियों में लिप्त न हो सकें। इस सिलसिले में हिमाचल प्रदेश सरकार को अब तक कुल 11 आदतन नशा तस्करों को PIT NDPS Act 1988 के तहत निवारक हिरासत में रखने के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं। इन्हीं में से एक आरोपी हितेंदर कुमार उर्फ रिंकू (निवासी गांव क्यार, डाकघर सुझैला, तहसील अर्की, जिला सोलन, उम्र 40 वर्ष) को पुलिस थाना अर्की की टीम ने हिरासत में लेकर तीन महीने के लिए जेल भेज दिया है। हितेंदर कुमार के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत कुल चार मामले दर्ज हैं, जिनमें दो मामले पुलिस थाना अर्की, एक मामला शिमला जिला के बालूगंज, और एक मामला पंजाब के खरड़ थाना में दर्ज है। इन मामलों में करीब 88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। आरोपी फिलहाल सभी मामलों में जमानत पर था लेकिन पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लगातार नशा तस्करी में संलिप्त था। जिला पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी की सप्लाई और डिमांड दोनों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु भविष्य में भी इस प्रकार की निवारक कार्रवाई जारी रहेगी।
सोलन के कंडाघाट में 10 एवं 11 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी बुधवार को अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 10 अप्रैल को प्रातः 09.00 बजे से सांय 05.00 बजे तक कण्डाघाट उपमण्डल के वाकनाघाट, जे.पी. विश्वविद्यालय. क्यारीघाट, कैथलीघाट, शालाघाट, बीशा, बाशा, शिचरा, डुमैहर, छावशा, बणी, क्वारग, आंजी, सुधारग, गौराश, गरू, कोठी, मण्डप, पावघाट, आंजी सुनेरा, कदौर, कून और आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। वही 11 अप्रैल को प्रातः 09.00 बजे से दिन 12.00 बजे तक क्लब महिन्द्रा रिजोर्टस, डुमैहर, छावशा, बणी, सुधारग, गौराश, गरू, कोठी, मण्डप, पावघाट, आंजी सुनेरा, कदौर, कून और आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
बुधवार को शूलिनी विश्वविद्यालय के एलएलबी और बीएएलएलबी के छात्रों ने भारत के सर्वोच्च न्यायालय का दौरा किया। जहां उन्होंने लाइव अदालती कार्यवाही देखी और सर्वोच्च न्यायपालिका के कामकाज के बारे में अमूल्य जानकारी प्राप्त की। इस यात्रा ने छात्रों को कानूनी प्रणाली से सीधे जुड़ने और वास्तविक समय में अदालती गतिशीलता का अवलोकन करने का एक दुर्लभ अवसर प्रदान किया। उन्हें प्रसिद्ध कानूनी दिग्गजों के साथ बातचीत करने का भी सौभाग्य मिला, जिन्होंने अपने अनुभव साझा किए और कानूनी पेशे पर व्यावहारिक दृष्टिकोण पेश किए। समृद्ध अनुभव को जोड़ते हुए, छात्रों के लिए दिल्ली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और सदस्यों के साथ एक विशेष सत्र आयोजित किया गया। एसोसिएशन ने छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया और संकाय के शैक्षणिक उत्साह और प्रतिबद्धता को स्वीकार किया। इसके अलावा, संकाय सदस्यों को कानूनी शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। विधि विज्ञान संकाय के डीन प्रोफेसर नंदन शर्मा ने छात्रों के लिए एक सहज और प्रभावशाली अनुभव सुनिश्चित किया। इस यात्रा का समन्वय स्कूल ऑफ लीगल साइंसेज के संकाय सदस्यों डॉ मोनिका ठाकुर और विनीत कुमार द्वारा किया गया था।
आईईसी यूनिवर्सिटी में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बारहवीं की परीक्षा दे चुके छात्रों के लिए अवसर 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह स्किल एनहांसमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम छात्रों को उनके कौशल को बढ़ाने और आधुनिक समय के अनुसार प्रशिक्षण हासिल करने का सुनहरा अवसर प्रदान करता है। एक महीने के इस कोर्स में, छात्रों को एडवांस कंप्यूटर स्किल में कोडिंग, वेब डेवलपमेंट, और एआई टूल्स के साथ-साथ प्रचलित विषयों के बारे में प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में छात्रों को आवश्यक सामान्य ज्ञान, मानसिक तर्कशक्ति, और व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक सभी स्किल्स के साथ-साथ टेबल मैनर्स आदि भी सिखाया जाएगा। इसके अलावा, छात्रों को फोटोग्राफी, एंकरिंग, वीडियोग्राफी, रिपोर्टिंग, और फैशन डिजाइनिंग की विभिन्न तकनीकों के बारे में भी विस्तार से पढ़ाया जाएगा। आईईसी यूनिवर्सिटी की मैनेजमेंट ने कहा की इस प्रोग्राम में छात्रों को एडवांस कंप्यूटर स्किल, कोडिंग, वेब डेवलपमेंट, एआई टूल्स, फोटोग्राफी, एंकरिंग, वीडियोग्राफी, रिपोर्टिंग, और फैशन डिजाइनिंग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।"
सोलन के असिस्टेंट कमिश्नर प्रेम सिंह कैथ ने शराब की बिक्री में पारदर्शिता और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि सरकार द्वारा शराब के लिए अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) तय कर दिया गया है और अब ठेका संचालकों द्वारा मनमाने दामों पर शराब बेचना पूरी तरह से बंद होना चाहिए। कमिश्नर कैथ ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी शराब ठेकेदार द्वारा MRP से अधिक कीमत वसूली जाती है और इसकी शिकायत एक्साइज विभाग को मिलती है, तो विभाग तत्काल कार्रवाई करेगा। ऐसी स्थिति में दोषी पाए जाने वाले ठेके को न केवल एक दिन के लिए सील कर दिया जाएगा, संबंधित ठेका संचालक पर 15 हजार से 20 हजार रुपए तक का भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने आम जनता से पुरजोर अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की ओवरचार्जिंग की स्थिति में निसंकोच शिकायत दर्ज कराएं और अपनी शिकायत पर अडिग रहें। कमिश्नर कैथ ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि कई बार शिकायतकर्ता शिकायत दर्ज कराने के बाद ठेकेदारों से समझौता कर लेते हैं, जिससे विभाग की कार्रवाई प्रभावी नहीं हो पाती। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे नियमों का पालन सुनिश्चित करने में विभाग का सहयोग करें और ओवरचार्जिंग के खिलाफ आवाज उठाएं, ताकि शराब बिक्री प्रणाली को पूरी तरह से पारदर्शी और नियमों के अनुसार संचालित किया जा सके। इसके अतिरिक्त, कमिश्नर कैथ ने नए वित्त वर्ष में सरकार द्वारा शराब की कीमतों में की गई वृद्धि की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में उच्च श्रेणी की शराब, अंग्रेजी के सामान्य ब्रांड और देसी शराब की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।
अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल रविंद्र कुमार शर्मा ने मंगलवार को जानकारी दी कि भारतीय डाक विभाग द्वारा अब 5 हजार रूपये तक के लेनदेन के लिए इ-केवाईसी सुविधा शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि धर्मशाला मंडल के अंतर्गत प्रत्येक प्रधान डाकघर व उप डाकघरों में यह सुविधा शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि इस सुविधा के अंतर्गत ग्राहक बिना फॉर्म भरे इ-केवाईसी के माध्यम से 5 हजार तक के पैसे जमा और निकाल सकते हैं। उन्होंने बताया कि ई-केवाईसी के माध्यम से ग्राहक अब 5 हजार रूपये तक का लेनदेन बिना किसी वाउचर के कर सकेंगे, जिससे डाकघरों में लेनदेन की प्रक्रिया और अधिक सरल, तेज और कागज रहित हो गई है। यह सुविधा डाक विभाग की डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो ग्राहकों को सुरक्षित और आसान बैंकिंग प्रदान करती है। विशेष कर सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों और निरक्षर जमाकर्ताओं के लिए यह सुविधा किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए किसी भी नजदीकी डाकघर से संपर्क किया जा सकता है।
सोलन पुलिस ने ठोडो ग्राउंड के पास गश्त के दौरान एक व्यक्ति को 520 नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया किया है। आरोपी की पहचान मुकेश कुमार उर्फ तोई उम्र 33 वर्ष, के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार पहले भी चोरियों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। तलाशी के दौरान उसके सूटकेस से नशीली दवाइयां बरामद हुईं और वह इनके संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। बरामद दवाइयां ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत प्रतिबंधित हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 18 ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और उसे ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया गया है। जांच में पता चला है कि मुकेश कुमार के खिलाफ पहले से ही चोरी के 4 मामले और नशीली दवाओं से संबंधित कई अन्य मामले पुलिस थाना सदर सोलन में दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगामीजांच कर रही है।
शिमला: राजधानी शिमला के उपनगर विकासनगर में आज सुबह एक 25 वर्षीय नेपाली मूल के युवक का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है, जो विकासनगर में ही रहता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) भेज दिया है, जहां मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे विकासनगर पुलिस चौकी को सूचना मिली कि लोअर विकासनगर क्षेत्र में एक व्यक्ति बेसुध पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। मृतक अनिल, जिसकी उम्र 25 वर्ष बताई जा रही है, मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था, लेकिन वह पिछले कई सालों से शिमला के विकासनगर में ही रह रहा था। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।
शूलिनी विश्वविद्यालय में ऊर्जा विज्ञान और प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र (CEEST) ने डिटैनियम और इंडियन प्लेनेटरी सोसाइटी (IPS), मुंबई के सहयोग से CSLC विज्ञान संग्रहालय, शोघी, शिमला में खगोल विज्ञान, स्थिरता और व्यावहारिक STEM गतिविधियों पर एक आकर्षक कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यशाला का उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में युवा दिमागों के बीच विज्ञान, खगोल विज्ञान और सतत विकास के लक्ष्यों को लोकप्रिय बनाना था। इस कार्यशाला में सेंट जेवियर्स स्कूल, कलकत्ता के कुल 42 स्कूली छात्रों और शिक्षकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व CEEST के निदेशक और इंडियन प्लेनेटरी सोसाइटी के उपाध्यक्ष प्रो. एस.एस. चंदेल ने किया। प्रो. चंदेल ने नेट जीरो ऊर्जा लक्ष्यों को प्राप्त करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए जलवायु-उत्तरदायी सौर प्रौद्योगिकियों और सतत विकास लक्ष्यों (SDG) पर एक व्यावहारिक व्याख्यान दिया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 1994 में शिमला में विज्ञान संग्रहालय और तारामंडल की स्थापना के लिए की गई दूरदर्शी पहल पर भी विचार व्यक्त किए, जो तब से एक जीवंत विज्ञान केंद्र और एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हुआ है।
प्रदेश के पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा विशेष रूप से परिवहन के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास फलीभूत हो रहे हैं। इस दिशा में जहां प्रदेश सरकार की लगभग 680 करोड़ रुपए की महत्वकांक्षी राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्ट-अप योजना बेरोज़गार युवाओं के लिए रोशनी की नई किरण बनी है वहीं ई-वाहन पर्यावरण के लिए संजीवनी का कार्य कर रहे हैं। राजीव गांधी स्वरोज़गार स्टार्ट-अप योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर तथा आर्थिक रूप से मज़बूत बनाना है। हिमाचल को देश का पहला हरित ऊर्जा राज्य बनाने में भी यह योजना निर्णायक सिद्ध होगी। योजना के तहत युवाओं को ई-बस, इलेक्ट्रिकल टैक्सी इत्यादि की खरीद के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश सरकार ने ई-टैक्सी के लिए 10 हजार परमिट जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अतिरिक्त राज्य में ई-वाहन चालकों की सुविधा के लिए ई-चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जा रहे हैं। सोलन ज़िला पर्यटन के साथ-साथ कृषि एवं बागवानी क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यातायात की दृष्टि से सोलन ज़िला एक केन्द्र बिन्दु का कार्य करता है। सोलन की भौगोलिक परिस्थितियों के दृष्टिगत प्रदेश सरकार द्वारा यहां से गुज़रने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों एवं अन्य महत्वपूर्ण मार्गों पर ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। यह सुनिश्चित बनाया जा रहा है कि सोलन ज़िला से होकर प्रदेश के किसी भी क्षेत्र को जाने वाले यात्री को अपने इलेक्ट्रिक वाहन के लिए समुचित चार्जिंग की व्यवस्था प्राप्त हो ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामाना न करना पड़े। प्रदेश सरकार ने सभी विश्राम गृहों, परिधि गृहों, जल शक्ति तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यालयों, प्रदेश विद्युत बोर्ड के कार्यालयों सहित सभी उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालयों और बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण कार्यालय में ई चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का निर्णय लिया है। ज़िला में ई ऑटो को प्रोत्साहित करने के लिए भी अभिनव प्रयास किए जा रहे हैं। ज़िला के कण्डाघाट उपमण्डल में वर्तमान में 10 से अधिक ई ऑटो यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सस्ती परिवहन सुविधा प्रदान कर रहे हैं। कण्डाघाट में ई ऑटो का संचालन कर रहे पुनीत शर्मा, आर्यन, वेद प्रकाश, नरेन्द्र सिंह, मनोज कुमार, हरीश, महेन्द्र, नारायण सिंह, अनुज, अजय और युगल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार की हरित हिमाचल की परिकल्पना उनके लिए वरदान सिद्ध हुई है। ई ऑटो जहां उनकी रोजी-रोटी का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है वहीं लोगों को सस्ती परिवहन सुविधा भी प्रदान कर रहा है। इन सभी ई ऑटो चालाकों ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में सोलन ज़िला में बड़ी संख्या में ई ऑटो का परिचालन होगा। वही ई ऑटो की खरीद के लिए ज़िला उद्योग केन्द्र द्वारा 50 प्रतिशत उपदान प्रदान किया जा रहा है। ई ऑटो यात्रियों को न केवल सुविधाजनक परिवहन व्यवस्था प्रदान कर रहा है अपितु ऑटो चालाकों के परिवारों के लिए आय का विश्वसनीय स्त्रोत भी बना है।
जिला बिलासपुर के घुमारवीं में राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेला, पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। कार्यक्रम में मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं उपमंडल अधिकारी (ना.) गौरव चौधरी ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। एसपी संदीप धवल ने पहलवानों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन खेल परंपरा का अभिन्न अंग है। यह खेल न केवल शारीरिक ताकत बढ़ाता है, बल्कि युवा पीढ़ी में अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है, जो आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने मेला कमेटी को इस सराहनीय आयोजन के लिए बधाई दी। इन मुकाबलों में प्रदेश भर से आए पहलवानों ने भाग लिया और अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष आकर्षण का केंद्र रहे छोटे बच्चों के मुकाबले, जिनमें उनकी प्रतिभा और समर्पण देख दर्शक बेहद उत्साहित हुए। बच्चों की कुश्ती देख दर्शकों ने तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाया। मेला कमेटी के अध्यक्ष व उप मंडल अधिकारी गौरव चौधरी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल चार वर्गों की कुश्तियां करवाई जा रही हैं – हिमाचल कुमार, बिलासपुर कुमार, सामान्य वर्ग और महिला वर्ग। उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता 9 अप्रैल को फाइनल मुकाबलों के साथ संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि कुश्ती प्रेमियों को इन दिनों रोमांच से भरपूर प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
विगत वर्षों की भांति इस बार भी निकटवर्ती गरली गांव के खन्ना में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।जानकारी देते हुए गरली गांववासी संदीप कुमार उर्फ बम्पी ने बताया कि गरली के साथ लगते खन्ना गांव में हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। वहीं मंगलवार को आरंभ हुई इस कथा के पहले दिन बरसाना धाम से आए परमपूज्य संत श्री भगवत स्वरूप महाराज ने अपने मुखारविंद से अमृत वचनों की वर्षा करते हुए कहा कि मात्र "गोविंदाय नमः" का पाठ ही प्राणी मात्र को मोक्ष की प्राप्ति करवा सकता है।उन्होंने बताया कि जिस घर में रोज श्रीमद्भागवत का पाठ होता है तो सोचो वहां रहने वाले सदस्य कितने सौभाग्यशाली होंगे।उन्होंने कहा कि वह घर किसी तीर्थस्थल से कम नहीं है और वहां आने वाले अतिथि को भी तीर्थस्थल में जाने का ही फल प्राप्त होता है। वहीं कथास्थल के बिल्कुल सामने मंदिर में पूजा पाठ भी चल रहा है,जहां पंडित कमल किशोर,पंडित अभिषेक शर्मा और पंडित अंकित शर्मा अपना योगदान दे रहे हैं। सप्ताह भर चलने वाली इस कथा का समापन 14 अप्रैल को किया जाएगा।
ज़िला सोलन का प्रसिद्ध राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला इस वर्ष 20, 21 व 22 जून को आयोजित किया जाएगा। मंगलवार को उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने राज्य स्तरीय माँ शूलिनी मेला 2025 के आयोजन के लिए ज़िला के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी विभागों के सहयोग से मेले का भव्य व सफल आयोजन किया जाएगा। मनमोहन शर्मा ने कहा कि ज़िला प्रशासन का यह प्रयास रहेगा कि यह मेला इस वर्ष न केवल पारम्परिक रूप से और बेहतर हो अपितु अपने आयोजन में पूर्ण रूप से सफल भी रहे। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय मेले में जगह-जगह आयोजित किए जाने वाले भण्डारों के लिए उपमण्डलाधिकारी सोलन से पूर्व अनुमति प्राप्त करना आवश्यक होगा। मेले में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष लड़कियों के लिए विभिन्न खेलों का अलग से आयोजन किया जाएगा। मनमोहन शर्मा ने कहा कि मेला अवधि में कानून एवं व्यवस्था तथा यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए ज़िला पुलिस निर्धारित योजना के अनुसार कार्य करेगी। उन्होंने इस सम्बन्ध में पुलिस अधीक्षक सोलन से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा से नज़र रखी जाएगी। उन्होंने इस सम्बन्ध में पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश भी जारी किए। उन्होंने मेले में श्रद्धालुओं के आवागमन के दृष्टिगत सभी विभागों को योजना तैयार रखने और निर्धारित मानक प्रक्रियाओं का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला स्थल एवं सोलन शहर में भीड़ के दृष्टिगत सभी एहतियाती उपाय अपनाए जाएंगे। उन्होंने मेले के दौरान किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से निपटने के लिए सभी तैयारियां रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मेला अवधि में रोगी वाहन इत्यादि के निकलने के लिए सम्पर्क मार्ग खुले रखे जाएं। इस दिशा में आमजन का सहयोग भी अपेक्षित रहेगा। मनमोहन शर्मा ने कहा कि मेले में भव्य शोभायात्रा, प्रदर्शनी एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। मेले में स्वस्थ बेबी शो, फ्लावर शो, श्वान प्रदर्शनी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों को यथोचित स्थान एवं सम्मान दिया जाएगा। उपायुक्त ने मेले में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के दिए निर्देश.......... बैठक में खेल-कूद, चित्रकला प्रतियोगिता, बेबी शो, श्वान प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्मारिका प्रकाशन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर सारगर्भित चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बैठक में सुरक्षा एवं अन्य उपायों के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। वही सहायक आयुक्त सोलन नरेन्द्र चौहान ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, सहायक आयुक्त सोलन नरेन्द्र चौहान, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट सिद्धार्थ आचार्य, उपमण्डलाधिकारी नालागढ़ राजकुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अमित रंजन तलवार, नगर निगम सोलन की संयुक्त आयुक्त विमला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा: राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी ने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के झुंग्गा देवी में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड के नाम पर कांग्रेस सरकार ने हिंदू और मुस्लिम समुदायों को आपस में लड़वाकर राजनीतिक रोटियां सेंकी हैं। इस बोर्ड की आड़ में नेताओं ने करोड़ों की संपत्ति बना ली, जबकि गरीब मुस्लिम वहीं के वहीं रह गए। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वक्फ बिल लाना पड़ा, जिससे गरीब मुस्लिमों को न्याय मिला है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "भारतीय जनता पार्टी में न तो पद सर्वोपरि है और न ही पद का कोई विशेष महत्व। भाजपा में संगठन ही सर्वोपरि है और संगठन में ही कार्यकर्ता बसते हैं। आज इसी संगठन के बल पर भाजपा न केवल भारत, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती उसकी पांच निष्ठाओं पर आधारित है, जिनके कारण हर कार्यकर्ता का सम्मान होता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश को आज ऐसा प्रधानमंत्री मिला है जो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित कर रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में 2047 तक भारत विश्व गुरु बनेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने कहा कि कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां सत्ता सुख के लिए राजनीति करती हैं, जबकि भाजपा देशहित के लिए काम करती है। मोदी जी के कारण ही आज भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने ये भी कहा कि एक देश, एक विधान और एक कानून से ही देश की एकता सुरक्षित रह सकती है। भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती, लेकिन जो भारत की बात करेगा, वही सच्चा भारतवासी कहलाएगा। पूर्व विधायक ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सीमावर्ती गांवों में हुए विकास का जिक्र करते हुए कहा कि, "आज देश की सीमाओं पर बसे गांवों को विकसित करके उन्हें अंतिम नहीं, बल्कि प्रथम गांव बना दिया गया है ताकि कोई घुसपैठ न हो और आने वाली पीढ़ियां सुरक्षित रहें।"सम्मेलन में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविन्द्र धीमान, जिला पालमपुर भाजपा अध्यक्ष रागिनी रकवाल, पंचरुखी मंडल अध्यक्षा उषा राणा, आलमपुर मंडल अध्यक्ष हनुमंत शर्मा, जयसिंहपुर मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र राणा, पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, जिला परिषद सदस्य संजीव ठाकुर, युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच, पंचायत प्रधान रणवीर सिंह (सोल वनेहड़), सरस्वती जरयाल (धुपक्यारा), विंता कटोच (गंदड़), सुर्दशन रडवाल, रविकांत शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत 10 अप्रैल को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत उपमण्डल नम्बर 01 के सहायक अभियंता ने दी। उन्होंने कहा कि 10 अप्रैल को दोपहर 01.00 बजे से सांय 05.00 बजे तक नगर निगम सोलन, मेजिक मोमो, फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया, सर्कुलर मार्ग, विद्युत उपमण्डल नम्बर 01 तथा 02, ब्रह्मकुमारी आश्रम, लोक निर्माण विभाग कॉलोनी तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि खराब मौसम व किन्हीं अपरिहार्य कारणों से उक्त तिथि व समय पर परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
नरेंद्र डोगरा/जयसिंहपुर: कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में राजकीय महाविद्यालय पालमपुर के रसायन विभाग के सह –प्राध्यापक अजय ठाकुर ने आज महाविद्यालय परिसर का दौरा किया। अजय ठाकुर का प्रकृति व पेड़ पौधों के प्रति एक विशेष रुझान है व साथ ही प्रकृति प्रेमी, समाजसेवी होने के अलावा वह एक योग्य शिक्षाविद् भी है। प्रकृति प्रेमी होने के कारण वे अलग–अलग प्रकार के पौधों की प्रजातियों का रोपण कर उनकी देखभाल करते है। प्राचार्य महोदय के साथ अजय ठाकुर ने महाविद्यालय के हर्बल गार्डन में जाकर विभिन्न प्रकार के औषधीय व अन्य पौधों का निरीक्षण कर मार्गदर्शन किया कि किस प्रकार से हर्बल गार्डन को और अधिक विकसितकिया जा सकता है। महाविद्यालय के प्राचार्य व अन्य प्राध्यापकों के साथ अपने अनुभव को सांझा कर मशरूम की खेती, जैविक खेती, मिश्रित मिट्टी व ग्रीन हाउस को स्थापित करने के लिए अपना मार्गदर्शन दिया। महाविद्यालय परिसर के लिए उन्होंने विभिन्न प्रकार की सदाबहार पौधों की प्रजातियों का दान देकर हमारे महाविद्यालय की सौंदर्यता में चार चांद लगाएं। इन प्रजातियों में पाम , जेरेनियम, जेड, सिंगोनियम, सिल्वरडस्ट प्लांट, यूफोर्बिया, पामलिली, कुछ सकुलेंटस और कुछ इनडोर पौधें शामिल है। इस पौधा दान का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय को हरित पहल की तरफ ले जाना है। इस पौधा रोपण को सफल बनाने में महाविद्यालय के वनस्पति विभाग की प्राध्यापक पूनम शर्मा व रसायन विभाग के प्राध्यापक इन्द्र कुमार ने अहम भूमिका निभाई। महाविद्यालय के प्राचार्य उपेन्द्र शर्मा ने अजय ठाकुर जी को स्मृति चिह्न देकर उन्हें सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया व भविष्य में उनसे इस तरह के सहयोग के लिए अपेक्षा जताई। अजय ठाकुर जी ने भी आश्वस्त किया कि वह भविष्य में इस प्रकार की गतिविधि में अपना सहयोग देते रहेंगे।
शिमला जिले के ठियोग के सैंज में बीती शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान रवि कुमार (35) निवासी नलोट, सुंदरनगर (मंडी) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रवि कुमार की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी और वह जेसीबी मशीन का मालिक था। आरोपी की पहचान अनिल (24) निवासी अर्की (सोलन) के तौर पर हुई है, जो सैंज के भोटका मोड़ पर एक वर्कशॉप चलाता है। बताया जा रहा है कि रवि और अनिल अच्छे दोस्त थे। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके चलते यह खूनी वारदात हुई। बासा सैंज के रहने वाले कुलदीप सिंह (47) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम करीब 5 बजे रवि उनकी दुकान पर आया था। इसके बाद वह अनिल की वर्कशॉप में गया। कुछ ही देर बाद वर्कशॉप से शोर सुनाई दिया और कुलदीप ने अनिल को फोन पर यह कहते सुना कि उसने एक व्यक्ति को मार डाला है। कुलदीप ने मौके पर पहुंचकर देखा तो रवि वर्कशॉप के फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। अनिल और अन्य लोगों ने मिलकर रवि को उसकी कार में ठियोग अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रवि ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अनिल ने वर्कशॉप में रखे औजार से रवि पर हमला कर उसकी हत्या की है। ठियोग अस्पताल में आज मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी ठियोग जसवंत सिंह इस मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
कोसरी: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोसरी (GSSS Kosri) के छात्र ऋषव पुत्र अश्वनी कुमार ने राष्ट्रीय मेरिट कम मीन्स छात्रवृत्ति (National Merit Cum Means Scholarship) में चयनित होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस छात्रवृत्ति के अंतर्गत ऋषव को कक्षा 12वीं तक हर वर्ष ₹12,000 की आर्थिक सहायता प्राप्त होगी। ऋषव की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षकों ने उसे हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि यह सफलता उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। ऋषव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उसने कहा कि उनके मार्गदर्शन और समर्थन के बिना यह संभव नहीं था। विद्यालय परिवार ऋषव की इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है।
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत खुंडिया पुलिस थाना के अंतर्गत गांव पंचायत टिप के एक व्यक्ति मेहर चंद जोकि गुजरात में ड्राइवर के रूप में काम करता था। वहां उसकी करंट लगने से 4 अप्रैल को मौ*त हो गई थी। गुजरात से दो चालक व एक सहायक ऐंबुलैंस में उसकी डैड बॉडी को छोड़ने उसके गांव टिप आए। प्रातः लगभग 4.30 पर वह जब वह मृ*तक के गांव टिप पहुंचे तो गुजरात से आए लोग भी कुछ देर वहां अफसोस करने बैठे। उसके बाद वाहन चालक जब वापस जाने के लिए गाड़ी मोड़ने लगा, तो उसके साथ आए सहायक धर्मेश 39, निवासी पलफान, गुजरात एक साइड पर जाकर खड़ा हो गया, ताकि गाड़ी मुड़वा सके। जहां धर्मेश गाड़ी को मोड़ने के लिए खड़ा हुआ था वहां पर सीमेंट की सड़क बनाई गई है जिसकी साईड पर थोड़ी किनारी बनी हुई है जिससे उसके पैर को ठोकर लग गई तथा वो नीचे खाई में गिर गया। जब वह साइट पर खड़ा था और उस इलाके का पता भी नहीं था अचानक वह लगभग 25-30 फुट चट्टान से नीचे जा गिरा।जिससे उसके सिर पर गहरी चोट आई। उनके उपचार के लिए डॉ. राजेन्द्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों से बात कर उसी गाड़ी में भेज दिया।इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी आर पी जसवाल ने बताया कि उक्त धर्मेश जो टिप के मेहर चंद के मृत शरीर को छोड़ने आया था उसकी टिप में ही एंबुलेंस मुडवाते हुए पैर फिसलने से खाई में गिर गया तथा उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ज्वालामुखी लाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने स्थिति को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज के रैफर कर दिया।जिसकी उपचार के दौरान टांडा मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई।
सोलन पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के एक हेड कांस्टेबल और उसके साथी को 157 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी एक बड़े ड्रग तस्करी रैकेट का हिस्सा बनकर सामने आई है, जिसमें आरोपी खाकी वर्दी की आड़ में हिमाचल प्रदेश में चिट्टा सप्लाई कर रहे थे। आरोपियों ने पूरी सावधानी के साथ अपने रैकेट को चलाया। वे बिना किसी रोक-टोक के हिमाचल प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू समेत तीन पुलिस नाकों को पार कर शिमला तक पहुंच जाते थे, लेकिन इस बार उनका सफर यहां खत्म हो गया। जब ये आरोपी नारकंडा में सप्लाई लेकर पहुंचे, तो उन्हें कम दाम मिलने पर सप्लाई करने से इंकार कर दिया। इसके बाद वे सोलन की ओर बढ़ गए, जहां पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, 2 अप्रैल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस ने सोलन के दोहरी दीवार क्षेत्र में प्रदीप कुमार (हेड कांस्टेबल) और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी हरियाणा के कलायत निवासी हैं और चिट्टा बेचने के लिए हिमाचल आए थे। पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी शिमला के नारकंडा में चिट्टा सप्लाई करने पहुंचे थे, जहां 1 ग्राम चिट्टा के लिए वे छह हजार रुपये मांग रहे थे। लेकिन जब वहां रेट की बात नहीं बनी, तो वे सोलन पहुंचे। सोलन पुलिस ने उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है। यह गिरफ्तारी चिट्टा तस्करी के नेटवर्क का खुलासा करती है, जो अब हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फैल चुका है। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस रैकेट के अन्य जुड़े हुए लोगों का भी पता चल सके।
हिमाचल प्रदेश में इस साल स्वास्थ्य सेवाओं में कई अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की शुरुआत होगी, और जून माह में आईजीएमसी में पैट स्कैन सुविधा शुरू हो जाएगी। इससे कैंसर पीड़ित मरीजों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इसके अलावा, आईजीएमसी, चमियाना, हमीरपुर और नेरचौक मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक एमआरआई मशीनें स्थापित की जाएंगी, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बुजुर्गों के टेस्ट और उपचार अब उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र में एक आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किया जाएगा, और वर्तमान में 49 विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे संस्थान पहले ही खुल चुके हैं। इसके अलावा, 11 स्वास्थ्य संस्थानों में ब्लड स्टोरेज यूनिट्स बनाई जाएंगी, जिनमें घवांडल, चुवाड़ी, भोरंज, नादौन, तियारा, जयसिंहपुर, पद्धर, धर्मपुर, जुन्गा, हरोली और अंब शामिल हैं। बीमार नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए हमीरपुर, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और ऊना जिले में 17 न्यू बॉर्न स्टेबलाइजेशन यूनिट स्थापित होंगे। हमीरपुर और मंडी मेडिकल कॉलेज में कैथ लैब की सुविधा भी शुरू की जाएगी। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश में 10 नए हेल्थ वेलनेस सेंटर खोले जाएंगे। राज्य सरकार डायबिटीज से पीड़ित गर्भवती महिलाओं और बच्चों को मुफ्त इंसुलिन पंप भी प्रदान करेगी।
करसोग: करसोग उपमंडल के बखरौट में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में एक मोटरसाइकिल और पशुपालन विभाग की एंबुलेंस की टक्कर हो गई, जिसमें मोटरसाइकिल सवार एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल (HP30-6760) जब करसोग की ओर आ रही थी, तो बखरौट के पास पशुपालन विभाग की एक एंबुलेंस से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल घिसटती हुई दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों, गुलशन कुमार (पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी गांव माहोग, डाकघर बखरोट, आयु लगभग 17 वर्ष) और रोहन (पुत्र केवल, निवासी गांव छनोग, डाकघर ठंड़ापानी, आयु लगभग 21 वर्ष) को स्थानीय लोगों ने तुरंत उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय करसोग पहुंचाया। नागरिक चिकित्सालय में उपचार के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे युवक गुलशन कुमार ने दम तोड़ दिया, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, दूसरे युवक रोहन की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। डीएसपी करसोग गौरव जीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से छानबीन कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई है। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार और पूरे क्षेत्र में मातम छाया हुआ है।
तलवाड़, जयसिंहपुरनरेंद्र डोगरा: जन कल्याण संस्था तलवाड़ जयसिंहपुर ने आज बजरंगबली मंदिर में आयोजित अपनी मासिक बैठक में जरूरतमंदों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए। पूर्व विधायक रविंदर रवी धीमान और जिला परिषद संजीव ठाकुर सहित लगभग 35 सदस्यों की उपस्थिति में संस्था ने लड़कियों के विवाह के लिए सामान और आर्थिक सहायता के लिए आए सात आवेदनों को तत्काल स्वीकृति प्रदान की। पूर्व विधायक रविंदर रवी धीमान के मार्गदर्शन और जिला परिषद संजीव ठाकुर सहित लगभग 35 समर्पित समाजसेवकों की उपस्थिति में संस्था ने जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। बैठक की शुरुआत संस्था के सचिव श्री जगन्नाथ डोगरा के स्वास्थ्य संबंधी कारणों से हुई, जिसके चलते सदस्यों ने सर्वसम्मति से श्री शक्ति चंद चौधरी को सह सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद, बैठक का मुख्य एजेंडा जरूरतमंदों को सहायता प्रदान करने पर केंद्रित रहा। संस्था को विशेष रूप से लड़कियों के विवाह के लिए आवश्यक सामान हेतु पांच आवेदन और आर्थिक सहायता के लिए पांच अन्य आवेदन प्राप्त हुए थे। गहन विचार-विमर्श के बाद, सदस्यों ने सात आवेदनों को तत्काल स्वीकृति प्रदान करने का निर्णय लिया। इन स्वीकृत आवेदनों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सहायता मिल सकेगी। वहीं, शेष तीन आवेदनों पर विस्तृत चर्चा और आवश्यक जानकारी जुटाने के लिए उन्हें अगली बैठक तक के लिए स्थगित कर दिया गया। बैठक में उपस्थित सभी समाजसेवकों ने जरूरतमंदों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और निस्वार्थ सेवा भाव का प्रदर्शन किया। संस्था के मार्गदर्शक रविंदर रवी धीमान ने सदस्यों को समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें निरंतर इस नेक कार्य में जुटे रहने के लिए प्रेरित किया। कोषाध्यक्ष त्रिलोक चौधरी ने वित्तीय मामलों की जानकारी दी और पारदर्शिता बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।बैठक के अंत में, सभी सदस्यों ने 'नर सेवा ही नारायण सेवा' के अपने मूल मंत्र को दोहराया और समाज के कमजोर वर्गों की सहायता के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। जन कल्याण संस्था तलवाड़ जयसिंहपुर का यह प्रयास निश्चित रूप से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगा।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रामनवमी के पावन अवसर पर महाकाली नगर, सेक्टर 29 से एक भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया। इस धार्मिक यात्रा का शुभारंभ विधिवत हवन के साथ हुआ, जिसमें चंडीगढ़ विभाग के मंत्री प्रदीप शर्मा, सह मंत्री पंकज शर्मा और कोषाध्यक्ष राकेश चौधरी ने पूर्ण आहुति अर्पित की। महाकाली प्रखंड के बजरंग दल संयोजक अश्वनी, सह संयोजक राजन, सौरव, रोहित, सुनील, अंकुश, अमित और सेवा प्रमुख गौरव के नेतृत्व में शोभा यात्रा का आयोजन अत्यंत भव्यता के साथ किया गया, जिसमें सभी भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और इसकी सराहना की। यात्रा के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर का वितरण किया गया। इस शोभा यात्रा को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद चंडीगढ़ के अध्यक्ष अरविंद मोदगिल, महानगर मंत्री अंकुश गुप्ता और उपाध्यक्ष दविंदर सिद्धू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिन्होंने प्रभु प्रेमियों से यात्रा का जगह-जगह स्वागत करने का आह्वान किया। उनके आह्वान पर विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया, जिसमें बोबी जी, लखविंदर जी, शिवालिक जी, आशीष वर्मा जी, कुकी जी, आकाश जी, बिट्टू जी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का विशेष योगदान रहा, जिसके लिए मंत्री अंकुश गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। अंत में, अंकुश गुप्ता ने आगामी हनुमान जन्मोत्सव, 12 अप्रैल को प्रत्येक व्यक्ति से अपने घर, मोहल्ले या मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ करने का आग्रह किया और विश्व हिंदू परिषद की ओर से सभी को बधाई देते हुए सबका आभार व्यक्त किया गया।
एसवीएन विद्यालय वडोर घाटी कुनिहार में नवरात्रे के अवसर पर पूजा व हवन के साथ आज नए शैक्षणिक सत्र 2025-26 का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों के सांस्कृतिक, चारित्रिक, भावनात्मक सहित सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालय में हवन का कार्यक्रम रखा गया। इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन टीसी गर्ग ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में सभी अध्यापकों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र आज से आरंभ हो गया है। सभी के लिए आगामी शैक्षणिक सत्र अच्छा रहे, आकांक्षाओं के अनुरूप परिणाम देने वाला रहे तथा वर्ष भर पाठशाला को किसी भी अनपेक्षित स्थिति का सामना न करना पड़े, इसीलिए नए सत्र का आरंभ हवन के साथ किया गया। विद्यालय के प्रांगण में माँ सरस्वती की पूजा व हवन पंडित अजय जोशी, आशीष वशिष्ठ ने मंत्रोच्चारण के साथ बच्चों को सनातन धर्म के बारे में अवगत कराया। वहीं टीसी गर्ग ने इस मौके पर बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि माँ सरस्वती जो विद्या की देवी हैं, वह माँ सरस्वती आप सभी पर अपनी कृपा दृष्टि बनाए रखें और आप सभी को हर क्षेत्र में उन्नति प्रदान करें। विद्यालय के सभी अध्यापकों व बच्चों ने भाग लिया व यज्ञ में आहुति डालकर माँ सरस्वती की पूजा अर्चना की। इसके उपरांत पूजा समाप्त होने के बाद सभी बच्चों व अध्यापकों को प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर विद्यालय प्रधानाचार्या सिमी, सोना गर्ग, कमलेश कुमारी, लालिमा जोशी, शिखा शर्मा, पूनम कृष्णा, शीतल, मधु, कुसुम, सुमन शर्मा, सीमा, शांता, प्रियंका, मुकेश व बच्चों सहित अभिभावक गण मौजूद रहे।
सेब उत्पादन के लिए प्रसिद्ध कोटखाई क्षेत्र अब औषधीय पौधों की खेती के नए अवसर देख रहा है। जाइका वानिकी परियोजना ने इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए वन मंडल ठियोग के अंतर्गत वन परिक्षेत्र कोटखाई की ग्राम वन विकास समिति जाशला में औषधीय पौधों की खेती की अपार संभावनाओं पर जोर दिया है। हाल ही में जाशला में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में, जड़ी बूटी प्रकोष्ठ के मैनेजर मार्केटिंग राजेश चौहान ने ग्रामीणों को कडु और चिरायता जैसे मूल्यवान औषधीय पौधों की खेती शुरू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि इस क्षेत्र की जलवायु इन पौधों की खेती के लिए अत्यंत अनुकूल है। परियोजना की ओर से ग्रामीणों को न केवल निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, बल्कि उन्हें खेती से संबंधित सभी आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। राजेश चौहान ने वर्तमान बाजार परिदृश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि औषधीय पौधों को बाजार में आकर्षक मूल्य मिल रहा है, जिससे स्थानीय लोग अपनी आय को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ा सकते हैं। इस अवसर पर वन मंडल ठियोग के विषय वस्तु विशेषज्ञ अभय महाजन और क्षेत्रीय तकनीकी इकाई समन्वयक लोकेंद्र झांगटा भी उपस्थित थे। ग्राम वन विकास समिति जाशला के प्रधान प्रदीप लेटका, जयदेवी नंदन स्वयं सहायता समूह की प्रधान प्रेम लता और जय मां चालकाली स्वयं सहायता समूह की प्रधान उषा ने जाइका वानिकी परियोजना की इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की और क्षेत्र में औषधीय पौधों की खेती की भरपूर संभावनाओं को देखते हुए जन सहभागिता के माध्यम से इसे सफल बनाने का संकल्प लिया। यह उल्लेखनीय है कि परियोजना ने पिछले वर्ष किन्नौर, आनी और कुल्लू में भी जन सहभागिता के माध्यम से कडु के पांच लाख पौधे रोपित किए थे। परियोजना ने यह भी स्पष्ट किया कि इन औषधीय पौधों की खेती पूरी तरह से रसायन मुक्त होगी, जिससे जल स्रोतों पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा। वर्तमान बाजार में कडु की कीमत दो से पांच हजार रुपये प्रति किलोग्राम और चिरायता की कीमत तीन से पांच सौ रुपये प्रति किलोग्राम तक है, जो किसानों के लिए एक आकर्षक आय का स्रोत बन सकता है।
वन विभाग के एक प्रवक्ता ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्यजीव विभाग द्वारा लाहौल एवं स्पीति जिले की मियार घाटी में किए गए कैमरा टैपिंग सर्वेक्षण के दौरान ऊनी उड़ने वाली गिलहरी (यूपेटॉरस सिनेरेउस) का पहला फोटोग्राफिक साक्ष्य प्राप्त किया है। यह कैमरा सर्वेक्षण 10 अक्तूबर से 4 दिसम्बर तक आयोजित किया गया था। उन्होंने बताया कि उत्तर-पश्चिम हिमालय की इस विलक्षण और दुर्लभ प्रजाति को लगभग सात दशकों तक विलुप्त माना जाता था, जब तक कि 1994 में इसकी पुनः खोज नहीं हुई। हिमाचल प्रदेश में इसकी उपस्थिति राज्य के लिए जैव विविधता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह स्तनपायी प्रजातियों की सूची में एक उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाती है।यह सर्वेक्षण हिम तेंदुए की संख्या आकलन के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित स्नो लैपड़ पॉपुलेशन एसेसमेंट इन इंडिया (एसपीएआई) प्रोटोकॉल के अंतर्गत किया गया। अध्ययन क्षेत्र में 62 कैमरा ट्रैप लगाए गए थे। यह सर्वेक्षण वन विभाग के वन्यजीव प्रभाग द्वारा प्राकृतिक संरक्षण फाउंडेशन (एनसीएफ) के सहयोग से संपन्न किया गया। इन दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में कैमरा ट्रैप की स्थापना का कार्य स्पीति के किब्बर गांव के स्थानीय युवाओं द्वारा किया गया, जो वर्ष 2010 से ऊपरी स्पीति लैंडस्केप में ऐसे सर्वेक्षणों से जुड़े हुए हैं। इनके साथ लाहौल से एक समर्पित स्थानीय वन्यजीव एवं संरक्षण कार्यकर्ता भी शामिल रहे। उन्होंने कहा कि कैमरा ट्रैप्स ने ऊनी उड़ने वाली गिलहरी के अलावा कई अन्य महत्त्वपूर्ण वन्यजीवों जैसे हिम तेंदुआ, लाल लोमड़ी, हिमालयी भेड़िया और नेवला की भी उपस्थिति दर्ज की है। ये प्रजातियाँ आमतौर पर वृक्षरेखा के ठीक ऊपर के क्षेत्रों तथा चट्टानी ढलानों वाले पारिस्थितिक तंत्र में पाई जाती हैं, जो ऊनी उड़ने वाली गिलहरी की पसंदीदा प्राकृतिक आवास श्रेणियों में आते हैं। वन विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि यह खोज न केवल मियार घाटी की जैविक विविधता को दर्शाती है, बल्कि हिमालयी पारिस्थितिक तंत्र की समृद्धता और संरक्षण की आवश्यकता की भी पुष्टि करती है। यह अध्ययन भविष्य में वन्यजीव संरक्षण प्रयासों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।
शनिवार को उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोलन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को समयबद्ध एवं गुणवत्तायुक्त सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके दृष्टिगत न केवल हिमाचल पथ परिवहन निगम में बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है बल्कि यात्रियों को टैम्पो ट्रैवलर की सुविधा देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगभग एक हजार बसों को चरणबद्ध आधार पर बदला जा रहा है। 600 नई बसें खरीदने की प्रक्रिया जारी है। 350 इलेक्ट्रिक तथा 250 डीजल बसों की खरीद की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक परिस्थिति के अनुरूप 37 अथवा 42 सीटर बसें ही खरीदी जा रही हैं। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रदेश सरकार के कार्यकाल में नई बसों की खरीद नहीं की गई। वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा समयबद्ध नई बसों की खरीद की जा रही है साथ ही पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत अभिनव प्रयास भी किए जा रहे हैं।
शनिवार को उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा अजय सिंह ने जानकारी दी कि 8 व 9 फरवरी को उनके कार्यालय द्वारा पूर्व सैनिकों के आश्रितों के लिए आयोजित जेबीटी काउंसलिंग के आधार पर जिला कांगड़ा में 16 अभ्यर्थियों का अनुबंध आधार पर भर्ती हेतु चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया के बाद जिला कांगड़ा के गांव घट्टा डाकघर धमेड़ तहसील कांगड़ा की बीनू देवी, स्वाती निवासी बंदाहु तहसील पालमपुर, सपना वालिया निवासी मलां तहसील नगरोटा बगवां, लखविंदर सिंह निवासी बड़ूं नेहरण पुक्खर देहरा, सपना देवी निवासी कोहाला तहसील कांगड़ा, राज कुमार निवासी गांव धाट्टी तहसील पालमपुर, मनोज कुमार कश्यप निवासी गांव बढाला तहसील जयसिंहपुर, सुषमा देवी निवासी गांव बढाला तहसील जयसिंहपुर, कुलदीप सिंह निवासी दाड़ी धर्मशाला तथा संदीप कुमार निवासी गांव राजपुर तहसील पालमपुर को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए हैं। वहीं इनके अलावा सुरेश कुमार निवासी रोपाड़ी तहसील झंडुता जिला बिलासपुर, संजीव कुमार निवासी गांव रोपाड़ी कलेहरू तहसील जोगिंद्रनगर जिला मंडी, रंजना ठाकुर निवासी गांव रोपा तहसील सदर जिला बिलासपुर, नीना कुमारी निवासी गांव रामपुर तहसील व जिला उना, नीलम ठाकुर निवासी गांव धाला तहसील कुमारसेन जिला शिमला तथा निशा देवी निवासी गांव सकौन तहसील बंगाणा जिला उना का चयन भी प्रक्रिया के दौरान हुआ है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से नियुक्ति पत्र जारी होने के सात दिनों के भीतर सभी वांछित दस्तावेजों सहित संबंधित प्रारंभिक खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में संपर्क करने को कहा है। अपने नियुक्ति पत्र और जिला कांगड़ा में पोस्टिंग के स्थान की जानकारी के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट देख सकते हैं।
-विमल नेगी मामले में जनता को गुमराह करने के लिए बीजेपी कर रही CBI जांच की मांग -कहा, बीजेपी का इस मामले से नहीं कोई लेना-देना जगत सिंह नेगी ने आज सोलन मेंविमल नेगी के मामले को लेकर बीजेपी द्वारा सीबीआई जांच की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। नेगी ने आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी इस मामले का उपयोग राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जैसे ही यह मामला सामने आया, सरकार ने तुरंत जांच शुरू की और पुलिस को पूरी सहायता दी। नेगी ने कहा कि जब विमल नेगी का शव मिला, तब तुरंत एफआईआर दर्ज की गई और जिन अधिकारियों पर इस केस को लेकर आरोप लग रहे थे उनको ट्रांसफर व सस्पेंड कर दिया गया ताकि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह जांच पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के तहत चल रही है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। वही परिजनों द्वारा सीबीआई जांच की मांग पर बात करते हुए नेगी ने कहा कि सीबीआई जांच तब होती है जब किसी मामले में ठोस सबूत हों कि वर्तमान जांच में कोई गड़बड़ी हो रही है। वर्तमान में जांच सही दिशा में और समय सीमा के भीतर हो रही है। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि आज के दौर में सीबीआई की प्रतिष्ठा पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि यह संस्था अब एक तरह से बीजेपी के नियंत्रण में आ गई है। जगत सिंह नेगी ने बीजेपी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इस मामले का राजनीतिकरण करना बिल्कुल भी उचित नहीं है।
बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में माता सरस्वती की पूजा अर्चना और हवन आहुति से नए सत्र का शुभारम्भ हुआ। जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया की माता रानी के नवरात्री के दौरान विद्यालय में विराजमान माता सरस्वती की पूजा अर्चना और हवनकुंड में आहुति डालकर नए सत्र का शुभारम्भ किया गया I उन्होंने बताया की इस अवसर पर आचार्य मदन लाल शास्त्री के मन्त्रों उच्चारण करते हुए विद्यालय में मौजूद सभी अध्यापकों , सभी बच्चों ने माता रानी के हवन कुंड में आहुति डालकर नए सत्र का आगाज किया I विद्यालय अध्यक्ष ने सभी अध्यापकों और बच्चों को नवरात्रि और नए सत्र के शुभारम्भ की शुभकामनाएं दी I हवन पूर्णाहुति के उपरांत विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा और सुषमा शर्मा ने कंजक पूजन किया I विद्यालय के सभी बच्चों ने माता रानी का गुणगान किया और माता के भजनों पर नृत्य किया I कार्यक्रम सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ I
सोलन के साईं संजीवनी इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज में जीएनएम नर्सिंग कोर्स के प्रथम वर्ष की सभी छात्राओं ने अपनी पहली ही परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। सभी छात्राओं ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम दिया है, जो उनकी कड़ी मेहनत और संस्थान के समर्पित शिक्षकों के प्रयासों का स्पष्ट प्रमाण है। इस मौके पर संस्थान में खुशी का माहौल है, जहां सभी अध्यापकगण, प्रिंसिपल और स्वयं छात्राएं इस सफलता के लिए ईश्वर का आभार व्यक्त कर रहे हैं। संस्थान की डॉक्टर सविता अग्रवाल ने इस गौरवपूर्ण जानकारी को साझा करते हुए छात्राओं की लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को इस सफलता का श्रेय दिया। वहीं, संस्थान के निदेशक डॉक्टर संजय अग्रवाल ने भी सभी सफल छात्राओं को हार्दिक बधाई दी और उन्हें भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने इस शानदार परिणाम के लिए भगवान का धन्यवाद करते हुए सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) को आगामी पर्यटन सीजन से पहले बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने निगम के होटलों में कर्मचारियों की तैनाती के लिए आउटसोर्स भर्ती करने की अनुमति दे दी है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पहले हाईकोर्ट ने ही नई भर्तियों पर रोक लगा दी थी। न्यायमूर्ति संदीप शर्मा की अदालत ने यह आदेश एचपीटीडीसी द्वारा दायर एक आवेदन पर सुनवाई करते हुए दिया। निगम ने अदालत से मौजूदा कर्मचारियों की कमी के कारण आगामी पर्यटन सीजन में परिचालन संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए आउटसोर्स पर भर्तियां करने की अनुमति मांगी थी। इससे पहले, 15 अक्टूबर 2024 को हिमाचल हाईकोर्ट ने एचपीटीडीसी में आउटसोर्स या अनुबंध के आधार पर नई भर्तियों पर रोक लगा दी थी। इस रोक के बाद निगम ने हाईकोर्ट में आवेदन दायर कर भर्तियों की अनुमति का अनुरोध किया था। निगम ने अपने आवेदन में बताया था कि 15 अक्टूबर 2024 के आदेश से पहले कुछ कर्मचारी अनुबंध के आधार पर निगम में कार्यरत थे, लेकिन अब वे नौकरी छोड़ चुके हैं। इस स्थिति में, आगामी पर्यटन सीजन के कारण निगम को कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। अदालत ने निगम की इस मांग को स्वीकार करते हुए इस भर्ती की अनुमति प्रदान की है।
नरेंद्र कुमार/ जयसिंहपुर:राजकीय बहुत तकनीकी संस्थान तलवाड़ तहसील जयसिंहपुर जिला कांगड़ा, हि. प्र. में 3अप्रैल 2025 से 4अप्रैल तक दो दिवसीय कैम्पस प्लेसमैन्ट ड्राईव का आयोजन किया गया जिसमें हिमाचल प्रदेश के सरकारी बहुतकनीकी संस्थानों तलवाड़, कुल्लू कांगड़ा, किन्नौर एवं सुन्दरनगर के ऑटोमोबाईल एवं मैकेनिकल ब्रांच के अंतिम सेमैस्टर के लगभग 90 छात्रों ने भाग लिया। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान तलवाड़ से प्रधानाचार्या मंजू शर्मा ने विभिन्न संस्थानों से आए हुए बच्चों व फैकेल्टी के साथ कम्पनी प्रतिनिधियों का स्वागत किया व शुभकामनाएं दी। इस आयोजन के समापन पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान से सहायक प्लेसमैन्ट अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने जानकारी दी कि संस्थान द्वारा बच्चों की प्लेसमैन्ट हेतु भरपूर प्रयास किये जा रहे हैं जिसके फलस्वरूप पिछले वर्ष ऑटोमोवाईल इंजिनियरिंग ब्रांच के सभी बच्चो की शत-प्रतिशत प्लेसमेंट करवाई गई। इस वर्ष भारत गेयर प्राईवेट लिमिटेड कम्पनी द्वारा 63 बच्चों का चयन किया गया है जिसमें 57 बच्चों को कम्पनी के पूना स्थित प्लांट व 6 बच्चों को फरीदावाद में नियुक्ति हेतु चयनित किया गया है। 4अप्रैल 2025 को गोदरेज एंड वोयेस मैन्यूफैक्चरिंग लिमिटेड मोहाली के स्थित प्लॉट के लिए चयनित किया गया है जो कि बहुत ही हर्ष का विषय है। इस अवसर पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान कुल्लू से शशि कुमार व राजकीय बहुतकनीकी सुन्दरनगर से पुष्पराज शर्मा वच्चों के साथ उपस्थित रहे। इस प्लेसमैन्ट ड्राईव के आयोजन में बहुतकनीकी तलवाड़ से गौरव पुवारी , रिशु धीमान, भूपिन्द्र कुमार व राकेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जाडली के दो छात्रों ने एनएमएमएस छात्रवृति परीक्षा पास कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। जिससे विद्यालय में खुशी की लहर है। विद्यालय प्रधानाचार्य कैलाश कौशल ने दोनों बच्चों व उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए बताया कि विद्यालय के छात्र आनन्द कुमार पुत्र बृजेश एवं पुष्पा देवी गांव जाड़ली तथा मृदुल कंवर पुत्र मान सिंह एवं सुनीता देवी गांव मलेरा ने यह परीक्षा दी थी जिसमें इन बच्चों ने कड़ी मेहनत कर इस परीक्षा को पास किया। उन्होंने बताया कि इन बच्चों को 12-12 हजार रुपए की छात्र वृति 3 वर्षो तक मिलती रहेगी। प्रधानाचार्य ने बच्चो की इस कामयाबी के लिए अध्यापकों को भी बधाई दी है
कांगड़ा जिले में 4 अप्रैल 1905 को आए विनाशकारी भूकंप की स्मृति में आज सिविल अस्पताल नूरपुर में भूकंप से बचाव हेतु एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण अभ्यास का आयोजन राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), अग्निशमन विभाग और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसका उद्देश्य भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, राहत और बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करना था। इस मॉक ड्रिल के दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर गहन रूप से प्रकाश डाला गया, और अस्पताल में मौजूद चिकित्सा दल एवं अन्य कर्मचारियों को बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। एसडीएम गुरसिमर सिंह ने बताया कि भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सतर्कता और तत्परता आवश्यक है। इस प्रकार की मॉक ड्रिल न केवल आपदा प्रबंधन दलों की क्षमता में वृद्धि करती है, बल्कि आमजन को भी आपातकालीन स्थिति में सही दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करती है। कांगड़ा जिला ज़ोन-5 में स्थित होने के कारण यहां आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। प्रशासन हमेशा जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध रहता है। एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट कर्म सिंह ने कहा कि आपदा के समय सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उस स्थान के स्थानीय स्टाफ की होती है, जो न केवल खुद का बचाव करें, बल्कि पीड़ितों को भी सुरक्षित रूप से बाहर निकालने और बचाव दलों की सहायता करने में योगदान दें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी भवन का एक सुस्पष्ट आपदा प्रबंधन योजना होना चाहिए और आपदा के समय उसी के अनुरूप कार्यवाही करनी चाहिए। इस मॉक ड्रिल में डीएसपी विशाल वर्मा, एसएमओ तुषार सैनी, स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ, चिकित्सा विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अभ्यास ने आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता और तत्परता के महत्व को और अधिक स्पष्ट किया।
शूलिनी विश्वविद्यालय में योगानंद स्कूल ऑफ एआई, कंप्यूटर्स और डेटा साइंस ने स्प्रिंग फेस्ट के हिस्से के रूप में अपने वार्षिक टेकफेस्ट, ग्लिच के दूसरे संस्करण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन शूलिनी विश्वविद्यालय के अध्यक्ष और मुख्य नवाचार और विपणन अधिकारी प्रोफेसर आशीष खोसला, मेलबर्न विश्वविद्यालय के ग्लोबल एजुकेशन स्ट्रैटेजी के निदेशक डॉ डेविड, मेलबर्न विश्वविद्यालय के प्रोफेसर रोज ब्रायंट स्मिथ और लेखक नितीश भूषण की उपस्थिति में हुआ। सहायक प्रोफेसर डॉ पीयूष सेवल उत्सव के संकाय समन्वयक थे। डॉ पीयूष ने बताया कि इस कार्यक्रम में पांच गेमिंग प्रतियोगिताएं और 24 घंटे का कोडिंग हैकथॉन शामिल था। ई-स्पोर्ट्स सेगमेंट में बीजीएमआई, फ्री फायर, फीफा और वैलोरेंट जैसे लोकप्रिय गेम शामिल थे, जिसमें शूलिनी विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों के 100 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। आगंतुकों ने वर्चुअल रियलिटी (वीआर) गेम का भी अनुभव किया। हैकाथॉन में 13 टीमों के 35 से अधिक कोडर्स ने भाग लिया, जिन्होंने दो स्क्रीनिंग राउंड के बाद क्वालिफाई किया। अंतिम राउंड 24 घंटे तक चला, जिसके दौरान टीमों ने 18 घंटे से अधिक समय तक कोडिंग समाधानों पर काम किया। हैकाथॉन के जज शूलिनी विश्वविद्यालय के संकाय सदस्य डॉ. अभिषेक तोमर, डॉ. वलीद सालेही, गौरव धीमान और नितेश शर्मा थे। पुरस्कार वितरण के मुख्य अतिथि शूलिनी विश्वविद्यालय के मुख्य शिक्षण अधिकारी डॉ. आशू खोसला, शूलिनी विश्वविद्यालय में योगानंद स्कूल ऑफ एआई, कंप्यूटर और डेटा साइंस के प्रमुख डॉ. पंकज वैद्य थे। हैकथॉन में टीम हशेड कोडर्स ने पहला पुरस्कार जीता, उसके बाद टीम डी-बग ठग्स और टीम एक्सेप्शन पहले और दूसरे रनर-अप रहे, ई-स्पोर्ट्स इवेंट्स में, टीम टीएसजी ने बीजीएमआई टूर्नामेंट जीता, पिक्सेल प्रॉलर्स ने वेलोरेंट टूर्नामेंट जीता, मिस्टर जॉन ने फीफा टूर्नामेंट जीता। GLITCH के दूसरे संस्करण ने छात्रों को अपने तकनीकी और गेमिंग कौशल को लागू करने और बढ़ाने के लिए एक मंच प्रदान किया। इस कार्यक्रम ने प्रौद्योगिकी में नवाचार, टीम वर्क और व्यावहारिक शिक्षा को प्रोत्साहित किया।
शुक्रवार को दयानंद आदर्श विद्यालय सोलन के प्रांगण में कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के लिए सोलो सॉन्ग और सोलो डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों के आत्मविश्वास को मजबूत करना और उन्हें अपनी छुपी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना था। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और मंत्र उच्चारण के साथ की गई। इस प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि विद्यालय की प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल रही। एक्टिविटी इंचार्ज सुश्री संगीता के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य और गीत की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता के जजों में प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल, रोमिला कंवर, मिसेस फुला धर और सुमिति चंदेल शामिल थे। सोलो डांस प्रतियोगिता के विजेताओं में क्लासिकल डांस में प्रज्ञा और अमोघा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। पंजाबी डांस में परिधि ने प्रथम, अनन्या ने द्वितीय और रिवावी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पहाड़ी डांस में नाइशा ने प्रथम और मन्नत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं सांत्वना पुरस्कार चंद्र प्रभा को दिया गया। लड़कों के पहाड़ी डांस में जितेंद्र और सत्यम ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि पंजाबी डांस में युवराज और वैभव ने प्रथम स्थान हासिल किया और आदित्य ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सोलो एकल गायन प्रतियोगिता में लड़कियों में सनाया ने प्रथम और महक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि लड़कों में तेजस और लक्षय ने प्रथम, परिक्षित ने द्वितीय और शौर्य ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त, देशभक्ति गीतों में वैभव और मृदुल ने भी खास पहचान बनाई। इस अवसर पर प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों को अपनी छुपी हुई प्रतिभा को उजागर करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ किया गया।
शिमला: संसद में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे पर की गई विवादास्पद टिप्पणी के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। लोकसभा में वक्फ बिल पर चर्चा के दौरान सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे व कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं पर वक्फ की जमीन हड़पने के आरोप लगाए थे जिसके बाद से कांग्रेस उग्र हो गई है। इस बयान के विरोध में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन शिमला के उपायुक्त कार्यालय के पास हुआ, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और अनुराग ठाकुर के खिलाफ कड़े नारों के साथ अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन में कांग्रेस के राज्य अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह समेत कई नेताओं ने भाग लिया। उन्होंने अनुराग ठाकुर के बयान को निंदा किया और इसे सदन की गरिमा के खिलाफ बताया । इस दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि अनुराग ठाकुर का विवादों से पुराना नाता रहा है। उन्होंने पहले भी समय-समय पर विवादित बयान दिए हैं। ऐसे में उनसे कुछ भी अपेक्षा करना गलत है। भाजपा जानबूझकर मल्लिकार्जुन खरगे और गांधी परिवार को निशाना बनाती है। मल्लिकार्जुन खरगे वरिष्ठ सांसद हैं और अनुराग ठाकुर सदन में अभद्र टिप्पणी करके उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। वही इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी अनुराग ठाकुर को घेरते हुए कहा अनुराग ठाकुर की भासा को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके बयान की निंदा करती है। आज हम राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के समर्थन में एकत्र हुए हैं और उनकी ओर से अनुराग ठाकुर से इस्तीफे की मांग का भी समर्थन करते हैं। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने मंडी से लोकसभा सांसद काँगड़ा रनौत पर भी निशाना साधा और कहा कि हम काँगड़ा रनौत को इतना काबिल नहीं समझते है कि उसे मान-सम्मान दिया जाए । जनता ने उन्हें चुनकर संसद तक भेजा लेकिन आज तक कंगना रनौत ने हिमाचल का एक भी मुद्दा संसद में नहीं उठाया।
पुलिस चौकी डाडासीबा के अंतर्गत गांव स्यूल के 64 वर्षीय प्रबीन शर्मा पर पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए सिविल हॉस्पिटल डाडासीबा में जाना पड़ा। इस दौरान पीड़ित व्यक्ति प्रवीण शर्मा पुत्र रोशन लाल ने पुलिस चौकी एक शिकायत पत्र दिया, जिसमे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर संख्या 0051 भारतीय न्याय संहिता की धारा 291 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए है। प्रवीण शर्मा ने बताया कि उनके पड़ोसी के कुत्ते ने दाईं टांग पर काट खाया, जिससे जख्म बन गया, यह हादसा घर के नजदीक हुआ। पीड़ित प्रवीन शर्मा ने बताया पड़ोसी का कुत्ता अकसर दिन में खुला रहता, जिसका हमेशा भय वना रहता है।उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस वाकय की छानबीन कर कार्रवाई में लाई जाए। इस संबंध में डाडासीबा चौकी प्रभारी रवि दत्त शर्मा ने बताया शिकायत दर्ज कर उक्त मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बीएल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में चल रहे तीन दिवसीय सेमिनार का आज आज समापन हो गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्य पुर्शोतम गुलेरिया, मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा तथा सभी अध्यापक वर्ग उपस्थित रहे। सुबह के सत्र में रोशन लाल शर्मा, सदस्य, बाल संरक्षण एवं अधिकार, हिमाचल प्रदेश ने विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के अधिकार, संरक्षण और उनके सर्वांगीण विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उनके विचारों ने शिक्षकों को बच्चों के लिए बेहतर शिक्षा माहौल तैयार करने के प्रति प्रेरित किया। सांयकालीन सत्र में गोपाल शर्मा, विद्यालय अध्यक्ष, श्रोत व्यक्ति के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षा नीति के महत्व और शिक्षण उद्देश्य की प्राप्ति के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। गोपाल शर्मा ने शिक्षकों को उनके कर्तव्यों को दृढ़ता से निभाने के लिए उत्साहित किया। सत्र के अंत में विद्यालय अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने श्रोत व्यक्ति रोशन लाल शर्मा को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इस कार्यक्रम ने शिक्षकों के व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और उन्हें बच्चों के उज्जवल भविष्य के निर्माण में अपने योगदान को लेकर और अधिक प्रेरित किया।
जिला कुल्लू में भ्रष्टाचार की बलि चढ़े पावर कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत पर भाजपा द्वारा उनकी आत्मा की शांति के लिए कैंडल मार्च निकाला गया। इस शांतिपूर्ण जुलूस में पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने भी जनता के साथ इस मार्च में हिस्सा लेने पहुंचे। जुलूस के बाद पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि विमल नेगी बहुत ही ईमानदार अधिकारी थे परंतु उनकी मौत ने वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली पर बहुत बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। पिछले महीने 10 मार्च को लापता हुए विमल नेगी की गुमशुदगी के बाद उनकी तलाश में सरकार का रवैया निराशाजनक रहा वो भी तब जब उनके परिजन दो बार प्रदेश के मुख्यमंत्री से उनकी जल्द तलाश की प्रार्थना करते रहे हों। उन्होंने कहा कि उसके बाद उनके परिवार ने थक हार कर उनकी खबर देने वालों को एक लाख का इनाम घोषित करना पड़ा। उन्होंने कहा कि उनके पार्थिव शरीर को कार्यालय के बाहर रख कर उनका परिवार और उन्हीं के विभाग के सैंकड़ो कर्मचारी अधिकारी मंत्री जगत सिंह नेगी के समक्ष पावर कॉरपोरेशन के उच्च अधिकारियों पर संगीन आरोप लगाते हुए नारेबाजी करते हैं परंतु तब भी सरकार की आंख नहीं खुलती है। उनके परिवार वालों की सीबीआई जांच की मांग को सरकार नहीं मानती है और एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित करती है। जांच कमेटी की रिपोर्ट में विमल नेगी के उच्च अधिकारीयों पर उन्हें मानसिक रुप से प्रताड़ित करने के साक्ष्य मिले हैं। उन्होंने चिंता प्रकट करते हुए कहा कि हमें शक है कहीं पेखू वेला और शौंग टोंग प्रोजेक्ट में हुई भारी धांधलियां विमल नेगी की मौत का कारण तो नहीं। अन्यथा क्या कारण है कि अभी तक राज्य सरकार और हिमाचल पुलिस उच्च न्यायालय द्धारा अग्रिम जमानत खारिज होने पर भी आरोपी देशराज को नहीं पकड़ पाई है तो दूसरी तरफ अन्य अधिकारीयों को बचाये जाने के आरोप विमल नेगी का परिवार लगातार सरकार पर लगा रहा है। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद,बंजार के विधायक सुरेन्द्र शौरी,आनी के विधायक लोकेंदर कुमार, पूर्व विधायक महेश्वर सिंह,भाजपा नेता नरोतम ठाकुर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दानवेंद्र सिंह,प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा सचिव मनीषा सूद,आई टी महिला मोर्चा संयोजक बर्षा ठाकुर,प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अर्चना ठाकुर, पूर्व भाजपा अध्यक्ष भीम सैन शर्मा, दिले राम ठाकुर,सहित विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कुनिहार पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। कुनिहार पुलिस ने दो व्यक्तियों से 1किलो 21ग्राम अफीम बरामद कर गिरफ्तार किया है। प्राप्त सूचना के अनुसार कुणीपुल के पास पुलिस को मुखवर खास से सूचना मिली कि सरली की तरफ से सीलवर रंग की बैगनार गाड़ी न0 HP64A-0123 कुनिहार की तरफ आ रही है जिसे लेखराज चला रहा है तथा गाड़ी की पिछली सीट पर तुलसीराम बैठा है। अगर गाड़ी की तलाशी की जाए तो उसमें अवैध नशीला पदार्थ हो सकता है। पुलिस ने उपरोक्त गाड़ी को रोका तथा गाड़ी में बैठे व्यक्तियों से उनके नाम व पते पूछे गए। तो चालक सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम लेखराज पुत्र गोरखुराम निवासी गांव शिवशंकर गढ़ डा0 ममलीग त0 कण्डाघाट तथा उसके साथ उक्त गाड़ी की पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति से पूछने पर अपना नाम तुलसीराम पुत्र स्व0 छांगुराम निवासी गांव बनोह डा0 खरड़हट्टी बताया। पुलिस ने शक के तैर पर गाड़ी की तलाशी की और तलाशी करने पर गाड़ी के डैशबोर्ड के अन्दर 1 किलो 21ग्राम अफीम पाई गई। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डी एस पी सोलन अशोक चौहान ने बताया कि दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
सोलन के कुमारहट्टी पट्टा मोड में एनएच 5 पर बने नए पुल की दूसरी लेन में एक सड़क हादसा पेश आया। इस हादसे में एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घायलों को ईलाज के लिए सोलन के धर्मपुर अस्पताल भेजा गया है। यह स्थान सड़क हादसों के लिए कुख्यात हो गया है, जहां आए दिन कई हादसे हो रहे हैं। एनएचएआई द्वारा यहां पर पैराफिट नहीं लगाए गए हैं, जो सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक हैं। यह लापरवाही सड़क हादसों को बढ़ावा दे रही है।


















































