कुनिहार (सोलन): बी एल सेंट्रल पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में जिला सोलन के सरकारी और निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व मुख्याध्यापकों के लिए स्काउट्स एंड गाइड्स ग्रुप लीडर प्रशिक्षण का अंतिम चरण आयोजित किया गया। जिला स्काउट्स एंड गाइड्स प्रभारी ने जानकारी दी कि सोलन जिले के प्रधानाचार्यों के लिए यह प्रशिक्षण तीन चरणों में खंड स्तर पर हुआ। पहले चरण में धर्मपुर में 68, दूसरे चरण में नालागढ़ में 75 और तीसरे चरण में कुनिहार में 61 प्रधानाचार्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर, उप शिक्षा निदेशक उच्च जिला सोलन गोपाल सिंह चौहान मुख्य अतिथि और बीपीओ अर्की राज कुमार विशेष अतिथि थे। विद्यालय अध्यक्ष ने सभी का स्वागत किया। मंच का संचालन महेंद्र पाल व कल्पना ने किया। विद्यालय अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि और स्काउट्स एंड गाइड्स टीम को स्मृति चिन्ह भेंट किए। जिला स्काउट्स एंड गाइड्स टीम ने भी मुख्य अतिथि, विद्यालय प्रबंधन और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को स्कार्फ व स्मृति चिन्ह दिए। प्रशिक्षण के दौरान स्काउट्स एंड गाइड्स टीम के विशेषज्ञों ने प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षित किया। समापन पर सभी प्रतिभागियों को स्कार्फ और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि ने प्रधानाचार्यों को नई सोच के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया और विद्यालय प्रबंधन व स्टाफ की सराहना की। कार्यक्रम में जलपान और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
लोक निर्माण विभाग हिमाचल प्रदेश के चीफ इंजीनियर नरेंद्र पाल सिंह ने देहरा में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में देहरा और ज्वालाजी के अधिशाषी अभियंता डॉक्टर सुरेश बलिया और कोटला बेहड़ डिवीजन के अधिशाषी अभियंता कैलाश पावा व इन तीनों डिविजनों के संबंधित सभी अधिकारियों को लोक निर्माण विभाग में हो रहे विकासात्मक कार्य की चर्चा की गई। वहीं इस मौके पर चीफ इंजीनियर कांगड़ा विकास सूद ने भी समीक्षा बैठक में भाग लिया। वही नरेंद्र पाल सिंह ने अधिकारियों को समय पर कार्य करने के सख्त निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि इन तीन मंडलों में करोड़ो रूपये का विकासात्मक कार्य की गति किस तरह से तेज किया जा सके इसके लिए विशेष रूप से खाका तैयार किया जा रहा है। आने वाले समय मे करोड़ों रुपये के विकासात्मक कार्यो यहां पर लंबित है उनकी रूप रेखा को तैयार करने हेतु इस बैठक का आयोजन किया गया है।।
हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। ढाई साल में नई बसों को लेकर सैकड़ों बार वादे हुए, मगर ज़मीनी स्तर पर आज तक एक भी नई बस नहीं खरीदी गई। अब यह विषय विपक्ष और आम जनता के बीच बहस और चिंता का कारण बन गया है। भाजपा जिला प्रवक्ता एवं परागपुर मण्डल अध्यक्ष विनोद शर्मा ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस सरकार पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और विभागीय अधिकारियों ने कई बार बसों की खरीद को लेकर घोषणाएं कीं, लेकिन सभी दावे केवल अखबारों की सुर्खियां बनकर रह गए। उन्होंने बताया कि एचआरटीसी घाटे के रूट का बहाना बनाकर बसों को बंद कर रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रा करना मुश्किल हो गया है। देहरा डिपो का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां कुल 89 बसों में से 35 बसें ऐसी हैं जो अपनी तय सीमा 8 लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी हैं। ये बसें आए दिन खराब होती हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है और साथ ही उनकी जान को भी खतरा बना रहता है।प्रदेशभर में एचआरटीसी की 35 से 40 प्रतिशत बसें निर्धारित सीमा से ज्यादा चल चुकी हैं। इन जर्जर बसों की मरम्मत में सरकारी धन की बर्बादी हो रही है, जबकि बेहतर विकल्प नई बसों की खरीद है। विनोद शर्मा ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि अब बसों की खरीद की योजनाओं को केवल कागजों और विज्ञापनों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जनता की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द नई बसों की खरीद प्रक्रिया को अमल में लाया जाए।
बीते दिनों मलाणा नाले में दो युवकों के बह जाने की सूचना पुलिस चौकी जरी को प्राप्त हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस एवं रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक तलाशी के दौरान एक युवक इंद्रजीत (उम्र 19 वर्ष) का शव घटनास्थल से उसी दिन बरामद कर लिया गया था। वहीं, दूसरा युवक रामचंद्र पुत्र अमरचंद, निवासी ग्राम व डाकघर मलाणा, उप-तहसील जरी, जिला कुल्लू, उम्र 21 वर्ष का शव बरामद नहीं हो सका था। वही शनिवार को पुलिस रेस्क्यू टीम जिसमें गोताखोर भी सम्मिलित थे, द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के अंतर्गत रामचंद्र का शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर नीचे की ओर नाले से बरामद किया गया है। शव को आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उपमण्डल अर्की के ग्राम कोलका में शनिवार से श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस सात दिवसीय दिव्य आयोजन का प्रारंभ सुबह कलश यात्रा से हुआ, जिसमें गांव की महिलाओं सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कलश यात्रा के उपरांत पूजा और मूल पाठ की विधिवत शुरुआत हुई। तत्पश्चात कथा स्थल पर सुप्रसिद्ध भागवताचार्य पवन गोपाल शर्मा ने पहले दिन श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य का प्रभावशाली वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भागवत पुराण कलियुग में मोक्ष का सबसे सरल और प्रभावशाली माध्यम है। आचार्य ने बताया कि यह ग्रंथ स्वयं भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य चरित्र, लीलाओं और उपदेशों का अद्भुत संकलन है, जिसकी महिमा असीम है। उन्होंने राजा परीक्षित और शुकदेव जी की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस ग्रंथ को मात्र सात दिनों में सुनकर राजा परीक्षित को परमगति प्राप्त हुई, वही भागवत आज के युग में भी हर दुःख का नाश करने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि भागवत कथा श्रवण से पूर्वजों को शांति, कुल में उन्नति और मन को संतोष की प्राप्ति होती है। आयोजकों परमानंद वर्मा, बाबूराम वर्मा, डॉक्टर हेतराम वर्मा, प्रेमचंद वर्मा, देवी चंद ,किरपा राम वर्मा और जगदीश वर्मा ने बताया कि यह आयोजन 10 मई तक प्रतिदिन प्रातः पूजन, मूल पाठ, कथा प्रवचन, आरती और प्रसाद के साथ सम्पन्न होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे सपरिवार पधारकर इस पावन अवसर पर पुण्य अर्जित करें और जीवन को धर्ममय बनाएं।
डाडा सीबा गांव में राजा बृजेंद्र सिंह की ज़मीन पर किए गए अवैध निर्माण को सिविल कोर्ट देहरा के आदेश पर शनिवार को गिरा दिया गया। अवैध कब्जाधारी से ज़मीन खाली करवाकर उसे मूल मालिक को सौंपा गया। राजा बृजेंद्र सिंह के पावर ऑफ अटॉर्नी धारक अमित राणा ने बताया कि अन्य अवैध कब्ज़ों पर भी कानूनी कार्रवाई शुरू हो चुकी है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही राजा बृजेंद्र सिंह को डाडा सीबा रियासत का इकलौता वारिस घोषित कर चुका है।
शिमला के एक निजी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक 17 वर्षीय छात्रा स्कूल में शौचालय जाने के बाद वापस नहीं लौटी। यह मामला जिला शिमला के ढली थाना अंतर्गत संजौली चौकी क्षेत्र का है। छात्रा के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने की सूचना मिलने के बाद स्कूल प्रशासन और परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने अगवा का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छात्रा ने क्लास टीचर से अनुमति लेकर शौचालय जाने की बात कही थी, लेकिन जब वह काफी समय तक वापस नहीं लौटी तो स्कूल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू की। जब छात्रा स्कूल परिसर में नहीं मिली तो स्कूल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना उसकी माता को दी और साथ ही पुलिस को भी सूचित किया। स्कूल के प्रिंसिपल ने बताया कि छात्रा बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक गायब हो गई है, जोकि चिंता का विषय है। इस पर छात्रा की माता भी तुरंत स्कूल पहुंची और पुलिस के समक्ष अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। इस बाबत ढली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने छात्रा की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही छात्रा का पता लगाकर उसके परिजनों को सूचित किया जाएगा। वहीं, छात्रा के अचानक लापता होने से स्कूल में सहपाठियों और शिक्षकों में भी चिंता का माहौल है।
कुल्लू में एक निजी बस का कंडक्टर साइबर ठगी का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। ताजा मामले में एक निजी बस के परिचालक को शुक्रवार सुबह करीब एक घंटे तक डिजिटल अरेस्ट रखा गया। दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन सेल के नाम से परिचालक को फर्जी एफआईआर की कॉपी और साथ में पुलिस कस्टडी का एक वीडियो भी भेजा गया। करीब एक घंटे तक परेशान रहे परिचालक ने कुल्लू पुलिस की मदद लेने के बाद राहत की सांस ली। घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:55 बजे की है। परिचालक महेंद्र निवासी गड़सा को पहले मैसेज आते हैं और बाद में शातिर ने फोन किया। शातिरों ने परिचालक के खिलाफ दिल्ली पुलिस द्वारा केस दर्ज करने की बात कही। शातिरों ने बाकायदा इसकी फर्जी एफआईआर की काॅपी भी भेजी। इसे देखकर परिचालक घबरा गया और शातिरों ने उसे केस को रफा-दफा करने की बात कही। इसके एवज में 8200 रुपये मांगे। इसके लिए व्हाट्एप पर दो अकाउंट नंबर दिए गए। परिचालक ने सर्वर डाउन होने का बहाना बताया तो शातिरों ने क्यूआर कोड भी जारी किया। राशि न डालने पर घबराए परिचालक को फोन कर धमकाने की कोशिश की। कहा कि अभी 8,200 रुपये नहीं दिए तो उनको दो से ढाई लाख रुपये खर्च करने होंगे। जमीन तक बेचनी पड़ सकती है। लगभग एक घंटे तक शातिरों द्वारा परेशान करने पर महेंद्र कुल्लू पुलिस के साइबर सेल के कार्यालय पहुंचा। उन्होंने साइबर सेल के अधिकारियों को अवगत करवाया और बाद में उन नंबरों को ब्लॉक किया गया। इसके बाद परिचालक ने राहत की सांस ली। पुलिस अधीक्षक कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि शातिर लोगों को ठगने के लिए कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग किसी तरह के लिंक को न ओपन करें और न ही किसी को भेजें। उन्होंने कहा कि अगर कोई शातिर उनको कॉल कर परेशान कर रहा है तो वह इसकी सूचना पुलिस काे दें।
छठी एनसीसी स्वतंत्र कंपनी ऊना के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रविंदर सिंह के तत्वाधान में शनिवार को राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला परागपुर में नए सत्र हेतु एनसीसी कैडेट्स की भर्ती की गई l जिस तत्वाधान में एनसीसी कंपनी ऊना से हवलदार सोमेश की टीम स्कूल पहुंची। उन्होंने एनसीसी के पात्र बच्चों का शारीरिक प्रशिक्षण किया एवं उनकी लिखित क्षमता की जांच के बाद एनसीसी में 25 बच्चों की भर्ती की गई l जिसमें 6 लड़किया व 19 लड़के भर्ती हुए। यह जानकारी एनसीसी प्रभारी विवेक शर्मा ने दी। इस उपलक्ष्य पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉक्टर प्रवीण शर्मा ने एनसीसी कमान अधिकारी का धन्यवाद किया।
धर्मपुर-मंडी: राष्ट्रीय उच्च मार्ग निर्माण में बरती जा रही लापरवाही और अवैध डंपिंग की शिकायतों पर एसडीएम स्वाति डोगरा ने कड़ी कार्रवाई की है। किसान सभा द्वारा उठाए गए इस मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने गत माह जांच करवाई थी। इसके बाद आज उन्होंने कंपनी और केंद्र सरकार के मोर्थ विभाग, वन, खनिज, राजस्व तथा पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की। दो घंटे तक चली इस बैठक में सभी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह और किसान सभा के रणताज़ राणा, देश राज पलसरा, नानक चंद, एडवोकेट अनिल कटवाल सहित तीन दर्जन से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। जांच कमेटी द्वारा मौके पर जाकर देखे गए हालातों की रिपोर्ट तहसीलदार रमेश भारद्वाज ने पेश की, जिसमें निर्माण कार्य में कई कमियां पाई गईं, जिनकी जानकारी किसान सभा ने एसडीएम को पहले ही दी थी। एसडीएम स्वाति डोगरा ने बीआरएन निर्माण कंपनी को पाड़छु पुल से आगे कुम्हरड़ा तक की गई अवैध कटिंग का मलबा खड्डों, नालों, वन भूमि और निजी भूमि से हटाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जहां से मलबा नहीं हटाया जा सकता है, वहां का उचित मुआवजा दिया जाए। एसडीएम ने कंपनी को चेतावनी दी कि कटिंग से फैलाए गए मलबे से यदि बरसात में कोई नुकसान होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होगी। रियूर ओबीसी और अनुसूचित जाति की बस्ती और अन्य खतरे वाले स्थानों के पास सुरक्षा दीवारें 15 मई तक लगाने के लिए कंपनी को निर्देशित किया गया है। पाड़छु से आगे हुक्कल तक की गई अनियंत्रित ब्लास्टिंग से 16 घरों को हुए नुकसान का मुआवजा भी कंपनी को देने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही, एसडीएम ने क्षेत्र में अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं, जिसके लिए खनन विभाग को कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। वन विभाग को वन भूमि पर की गई अवैध डंपिंग के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए भी कहा गया है। पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वन विभाग ने कंपनी को दस स्थानों पर अवैध डंपिंग के लिए और खनन विभाग ने अवैध खनन के लिए नोटिस जारी किए हैं। इससे किसान सभा द्वारा उठाए गए मुद्दे सही साबित हुए हैं। एसडीएम ने कंपनी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि इन कमियों को नहीं सुधारा गया तो प्रशासन कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएगा। बैठक में पाड़छु पुल के दोनों तरफ अप्रोच रोड को अगले 15 दिनों में ठीक करने और खड्ड में डाली गई मिट्टी को बरसात से पहले हटाने के भी निर्देश दिए गए। यह भी पाया गया कि कंपनी ने बिना अनुमति के मिट्टी डंप की थी और पाड़छु पुल से आगे मार्च महीने तक अनियंत्रित तरीके से ब्लास्टिंग की गई, जिससे कई गाड़ियों के शीशे भी टूट गए थे। एसडीएम ने पीने के पानी के स्रोतों, रास्तों और खतरे वाले घरों के आसपास 31 मई तक सुरक्षा दीवारें लगाने के भी निर्देश जारी किए हैं। भूपेंद्र सिंह ने एसडीएम स्वाति डोगरा की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हर काम को पूरा करने के लिए समय सीमा निर्धारित की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने अगले 15 दिनों में इन कमियों को दूर नहीं किया, तो किसान सभा प्रभावितों के साथ मिलकर 20 मई को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
जिला सोलन के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सोलन में आज 16वीं जिला स्तरीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता सम्पन्न हो गई। जोगिंद्रा सहकारी बैंक समिति सोलन के अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने समापन समारोह की अध्यक्षता की। मुकेश शर्मा ने इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आशा जताई कि सभी खिलाड़ी भविष्य में अपनी खेल यात्रा को जारी रखते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और लगन से किसी भी कार्य को सम्भव बनाया जा सकता है। खेल हमें अनुशासन और परिश्रम का महत्व समझाकर लक्ष्य प्राप्ति की और सतत रूप से आगे बढ़ना सिखाते हैं। उन्होंने सभी उपस्थित छात्रों से आग्रह किया कि स्वस्थ खेल भावना को अपने जीवन में उतारें और कठिन से कठिन प्रतिस्पर्धा में भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तथा नशे से दूर रहें। मुकेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बेहतर रोजगार व स्वरोजगार प्राप्त करने के लिए युवाओं को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। इस दिशा में खेलों का महत्व सर्वविदित है। उन्होंने कहा कि छात्रों को नियमित आधार पर खेलों में भाग लेना चाहिए और व्यायाम करना चाहिए। उन्होंने आशा जताई कि सभी छात्र खेलों के माध्यम से प्राप्त जानकारी को अपने जीवन में उतारेंगे। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने विजेताओं को बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के सुखद भविष्य की कामना की। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य एवं अध्यक्ष, जिला आई0टी0आई0 खेल कूद प्रतियोगिता सोलन ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा जिला स्तरीय आई0टी0आई0 खेल कूद प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी। वही बैडमिंटन प्रतियोगिता में राजकीय आई0टी0आई0 सोलन की टीम विजयी तथा आई0टी0आई0 कृष्णगढ़ (कुठाड़) की टीम उप विजेता रही। वॉलीबाल प्रतियोगिता में ए0सी0एफ0 प्राइवेट आई0टी0आई0 दाड़लाघाट की टीम विजेता तथा राजकीय आई0टी0आई0 सोलन की टीम उप विजेता रही। खो-खो प्रतियोगिता में राजकीय आई0टी0आई0 सोलन की टीम ने जीत हासिल की तथा राजकीय आई0टी0आई0 अर्की की टीम उप विजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में निजी आई0टी0आई0 जोघों की टीम विजेता तथा राजकीय आई0टी0आई0 सोलन की टीम उप-विजेता रही। बास्केटबाल प्रतियोगिता में राजकीय आई0टी0आई0 सोलन की टीम विजेता तथा राजकीय आई0टी0आई0 अर्की की टीम उप-विजेता रही। मार्चपास्ट में राजकीय आई0टी0आई0 सोलन विजेता तथा राजकीय आई0टी0आई0 अर्की उप-विजेता रही। प्रतियोगिता के ओवर आल चैंपियन की ट्रॉफी राजकीय आई0टी0आई0 सोलन ने हासिल की। इस प्रतियोगिता में चुने गए प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय आई0टी0आई0 खेल कूद प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
शुक्रवार को कुनिहार में बनने वाले सब तहसील भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ विधायक संजय अवस्थी द्वारा भूमि पूजन के साथ किया गया। करीब 1 करोड़ 90 लाख रू की लागत से यह सब तहसील भवन तैयार होगा । इस भवन में नायब कोर्ट सहित मीटिंग हॉल, कैंटीन व अन्य सुविधायें उपलब्ध होगी ।भवन के लिए एडमेस्ट्रेटिव अप्रूवल करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये तक हो सकती है । लोक निर्माण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अभी 1 करोड़ 31लाख 89 हज़ार रु भवन निर्माण के लिए अवार्ड किए गए है। संजय अवस्थी ने कुनिहार क्षेत्र के लोगो को सब तहसील भवन की बधाई देते हुए कहा ,कि लोगो की लंबे समय से सब तहसील भवन की माँग को आज भूमि पूजन व नींव की खुदाई से श्री गणेश किया गया व तय समय सीमा में भवन निर्माण का कार्य पूरा करके लोगो को समर्पित किया जायेगा । इस दौरान कांग्रेस यूनिट कुनिहार के प्रधान राजेन्द्र शर्मा,वरिष्ठ नेता सूर्यकांत जोशी,राकेश ठाकुर ,रूप सिंह ठाकुर ,बलविंदर कौर,अनिल तनवर सहित लोक निर्माण विभाग अर्की अधिशासी अभियंता शशि पाल धीमान,सहायक अभियंता उप मंडल कुनिहार मनसा राम ठाकुर ,कनिष्ठ अभियंता पुनीत शर्मा ,खंड विकास अधिकारी कंवर तन्मय सिंह ,विपिन वर्मा तहसीलदार अर्की,ललित गौतम नायब तहसीलदार कुनिहार आदि मौजूद रहे।
अर्की विधानसभा क्षेत्र के कुनिहार में आज हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड (एच.पी.बी.ओ.सी.डब्ल्यू.) द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विधायक संजय अवस्थी ने श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के जीवन को सरल बनाने और उनकी आर्थिकी को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने 1.31 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उप तहसील भवन का भूमि पूजन भी किया। विधायक संजय अवस्थी ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाई जा रही सुखाश्रय योजना का विशेष रूप से उल्लेख किया, जिसमें बेसहारा बच्चों को सहारा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बच्चों को न केवल शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि उन्हें घर बनाने के लिए भी मदद दी जा रही है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस योजना की जानकारी पात्र बच्चों तक पहुंचाएं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बोर्ड द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने भविष्य में हर विधानसभा क्षेत्र में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आशा जताई। अर्की के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री ने मौखिक स्वीकृति दे दी है, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा और युवाओं को रोजगार मिलेगा। कार्यक्रम में विधायक ने बोर्ड द्वारा पंजीकृत चार परिवारों को इंडक्शन चूल्हे वितरित किए और लोगों की समस्याएं सुनीं। बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने अर्की विधानसभा क्षेत्र के 52 पंजीकृत श्रमिकों के लिए 12.15 लाख रुपये की वित्तीय सहायता की घोषणा की। उन्होंने बोर्ड द्वारा संचालित 14 कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें शिक्षा छात्रवृत्ति, विवाह अनुदान, मातृत्व लाभ, स्वास्थ्य और आवास सहायता शामिल हैं। इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, पूर्व प्रधान, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, ए.आई.टी.यू.सी. यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष, तहसीलदार अर्की और अन्य लोग व्यक्ति उपस्थित थे।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने बास्केटबॉल, फुटबॉल और वॉलीबॉल मैचों की एक लीग टूर्नामेंट की मेजबानी की, जो तीन दिनों तक चला। टूर्नामेंट का आयोजन डॉ. नीरज गंडोत्रा, एसोसिएट डीन स्टूडेंट वेलफेयर और विक्रांत चौहान, शारीरिक शिक्षा के सहायक प्रोफेसर के नेतृत्व में टीम के कोचों के सहयोग से किया गया। टूर्नामेंट में कुल 20 टीमों ने भाग लिया, जिनमें बास्केटबॉल में 8, वॉलीबॉल में 6 और फुटबॉल में 6 टीमें शामिल थीं। इस कार्यक्रम में ऊर्जा, कौशल और खेल भावना से भरपूर मैच हुए। छात्रों ने खेल की सच्ची भावना को दर्शाते हुए शानदार अनुशासन और टीम वर्क का प्रदर्शन किया। बास्केटबॉल के फाइनल में टीम रीडेम विजेता बनी, जबकि स्विश स्क्वॉड ने उपविजेता स्थान हासिल किया और युल्ला कांडा स्क्वॉड ने दूसरा उपविजेता स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल में टीम फाल्कन्स ने विजेता का खिताब जीता, इसके बाद स्पाइकर्स स्क्वॉड ने उपविजेता का स्थान हासिल किया। अनुष्का थापा को सर्वश्रेष्ठ स्कोरर और सुजल ठाकुर को रेफरी के रूप में उनकी बेहतरीन भूमिका के लिए विशेष सम्मान दिया गया। फुटबॉल फाइनल में टीम ब्लू लॉक ने विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि टीम गणपति ने उपविजेता स्थान हासिल किया। फुटबॉल में शीर्ष स्कोरर डैक्स और केन थे, जिनका प्रदर्शन मैचों के दौरान बेहतरीन रहा। डॉ. नीरज गंडोत्रा ने कहा कि यह टूर्नामेंट छात्रों को अपनी एथलेटिक प्रतिभा और खेल के प्रति जुनून दिखाने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है।
सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल में 1 मई को एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान शिमला जिले के जुब्बल तहसील के भुलांग गांव निवासी 59 वर्षीय मुन्ना लाल चौहान के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उनकी मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। एसपी गौरव सिंह के अनुसार, 1 मई को सदर सोलन थाने को क्षेत्रीय अस्पताल से सूचना मिली कि नौणी से लाए गए एक व्यक्ति को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया है। पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची, जहां आपातकालीन कक्ष में मुन्ना लाल चौहान मृत पाए गए। जांच में पता चला कि मुन्ना लाल नौणी वानिकी विश्वविद्यालय में सेक्शन अधिकारी थे। उस दिन यूनिवर्सिटी के कमेटी हॉल में चाय पार्टी का आयोजन था, जहां मुन्ना लाल मौजूद थे। अचानक उन्हें चक्कर आया और वह कुर्सी से गिर पड़े। यूनिवर्सिटी स्टाफ ने उन्हें तुरंत नौणी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल सोलन रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शरीर का निरीक्षण किया, जिसमें कोई चोट या खरोंच के निशान नहीं मिले। परिवार और अन्य लोगों ने भी किसी शक की बात नहीं कही। फिर भी, एसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमॉर्टम करवाकर विसरा को रासायनिक परीक्षण के लिए जूंगा की राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा है। मामले में धारा 194 बीएनएसएस 2023 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस सभी संभावित कारणों की गहन जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारण का पता लगाया जा सके।
सोलन में एक भतीजे द्वारा चाचा के मकान को आग लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। एसपी गौरव सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बसाल निवासी अरुण कुमार ने पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज करवाई कि वह मूल रूप से बसाल गांव का रहने वाला है और गांव धाला में भी उसकी जमीन है, जहां पर उसने मकान बना रखा है। जमीन की देखभाल के लिए उसने ढोलू नामक नेपाली को रखा है। अरुण ने बताया कि नेपाली ने फोन पर जानकारी दी कि उसके भतीजे विपिन ने मकान को आग लगा दी है। इस पर वह गांव धाला पहुंचा तो देखा कि विपिन मकान के पास मौजूद था और वह आग को और ज्यादा भड़काने का प्रयास कर रहा था। जब अरुण ने विपिन को ऐसा करने से रोका तो विपिन ने उसे जान से मारने की धमकी दी तथा गाली-गालौच भी किया। विपिन द्वारा लगाई गई आग से मकान की धरातल मंजिल के दोनों दरवाजे व खिड़कियां पूरी तरह से जल गए हैं व घर के साथ रखी गेहूं की फसल भी जलकर राख हो गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच के बाद आरोपी विपिन (35) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है।
अमेरिका के ह्यूस्टन में बसे समाजसेवी सतीश अग्रवाल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी को 11,000 डॉलर से ज्यादा की आर्थिक सहायता दी है। यह मदद 'सतीश और कमलेश अग्रवाल स्कॉलरशिप' के रूप में बीटेक के होनहार छात्रों को दी जाएगी। संस्थान और दानदाता के बीच एक एमओयू (समझौता ज्ञापन) साइन किया गया है, जिसके तहत यह स्कॉलरशिप शुरू की जाएगी। इसका मकसद ऐसे मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन देना है, जो आर्थिक रूप से पिछड़े हैं लेकिन पढ़ाई में आगे हैं। आईआईटी मंडी के डायरेक्टर प्रो. लक्ष्मीधर बेहेरा और डीन प्रो. वरुण दत्त ने इस सहयोग के लिए सतीश और कमलेश अग्रवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से प्रतिभावान छात्रों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है और संस्थान का शैक्षणिक माहौल और समृद्ध होता है।
हमीरपुर/मीनाक्षी सोनी: हमीरपुर जिला की बमसन तहसील के टौणीदेवी क्षेत्र की ग्राम पंचायत नाडसी के खंदेहड़ा गांव में बीती रात करीब 11 बजे आसमानी बिजली गिरने से एक मकान में आग लग गई। हादसे में मकान के दो कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। मिली जानकारी के अनुसार यह मकान कुलदीप सिंह का है। हादसे के वक्त कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी घर के अंदर सोए हुए थे। तभी अचानक बिजली गिरने से मकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने कुलदीप सिंह और उनकी पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाला। आग इतनी थी कि मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से आग को फैलने से रोका गया और आसपास के अन्य घरों को बड़ी क्षति से बचा लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पंचायत प्रधान सुनील कुमार ने प्रशासन को सूचित किया। बमसन तहसील टौणीदेवी के नायब तहसीलदार देसराज कटवाल ने बताया कि स्थानीय पटवारी और कानूनगो को मौके पर भेज दिया गया है। नुकसान का आकलन कर जल्द ही मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बिलासपुर : जूनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनिशप मसौर गांव के अभिनव ने जीता कांस्य पदक सुनील/बिलासपुर: राजस्थान के कोटा में खेली गई जूनियर नेशनल रेसलिंग चैंपियनिशप में जिला बिलासपुर के मसौर गांव के अभिनव मैहता ने ब्रांज मेडल (कांस्य पदक)जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। अभिनव मैहता ने हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधितत्व करते हुए यह उपलब्धि 65 किलो ग्राम वर्ग भार में हासिल की। बेटे की इस उपलब्धि के लिए गुरूवार को सादे समारोह में पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बता दे कि राजस्थान के कोटा में जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में देशभर से सैंकड़ों खिलाडिय़ों ने भाग लिया। जिसमें मसौर गांव के अभिनव मैहता ने 65 किलो ग्राम वर्ग भार में हिमाचल प्रदेश की ओर से खेलते हुए ब्रांज मेडल जीतकर नाम चमकाया। अभिनव के पिता विकास मेहता बिजनेस मैन हैं तथा माता प्रियंका मेहता गृहणी हैं। अभिनव की एक बड़ी बहन है, जोकि इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। अभिनव को बचपन से ही कुश्ती का शौक था। जिसके चलते उनके पापा ने ठाकुर रेसलिंग अकादमी चांदपुर में भेज दिया। जहां पर अभिनव कुश्ती की बारीकियां सीख रहा है। सम्मान समारोह में विकास मेहता,कर्म चंद चंदेल, नवीन शर्मा व नतीश रणौत सहित अन्य उपस्थित रहे।
चंबा जिले के भरमौर-पठानकोट हाईवे पर दयालु पुल के समीप गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान महेंद्र कुमार, जो कि त्रिथा के रहने वाले थे, और अशोक कुमार, जो लाहड़ के निवासी थे, के रूप में हुई है। इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे में घायल हुए दो व्यक्तियों को तत्काल डलहौजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए, डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर कर दिया है। फिलहाल, इस भयानक हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। चंबा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक यादव ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
देहरा उपमंडल के अंतर्गत लगड़ू शाखा डाकघर ने एक सराहनीय कार्य करते हुए स्वर्गीय डाकपाल शमशेर सिंह के नॉमिनी को दुर्घटना बीमा के ₹10 लाख की राशि प्रदान की है। लगड़ू शाखा में कार्यरत डाकपाल शमशेर सिंह का दुर्भाग्यपूर्ण निधन 7 नवंबर 2024 को बाइक से खाई में गिरने के कारण हो गया था। उन्होंने मात्र ₹520 के वार्षिक प्रीमियम पर टाटा एआईजी का दुर्घटना बीमा करवाया था। वर्तमान डाकपाल प्रिंकिश मल्होत्रा ने इस बीमा पॉलिसी की जानकारी तत्काल आईपीपीबी शाखा देहरा को दी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, आईपीपीबी शाखा देहरा ने नॉमिनी चीना ठाकुर को क्लेम फॉर्म उपलब्ध कराए और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करवाईं। इसके बाद क्लेम फॉर्म बीमा कंपनी को भेज दिए गए। परिणामस्वरूप, बीमा कंपनी द्वारा 29 अप्रैल 2025 को क्लेम सेटल कर दिया गया। 1 मई 2025 को लगड़ू शाखा डाकघर के कर्मचारियों ने स्वयं नॉमिनी चीना ठाकुर के घर जाकर उन्हें ₹10 लाख का चेक सौंपा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान संजू शर्मा, पंचायत सेक्रेटरी कुलदीप कुमार, लगड़ू शाखा डाकपाल प्रिंकिश मल्होत्रा और ईपीपीबी शाखा देहरा के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सोलन पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के कैथल निवासी प्रमुख चिट्टा सप्लायर को भिवानी से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 157 ग्राम चिट्टे के साथ पहले पकड़े गए दो आरोपियों की पूछताछ के बाद की गई। गिरफ्तार तीसरे आरोपी की पहचान सोनू (30 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय वेदपाल, निवासी कलायत, कैथल, हरियाणा के रूप में हुई है। सोलन के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि इस मामले में पहले दो आरोपी, प्रदीप और मोहित, दोनों कैथल निवासी, 157 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किए गए थे। उनकी पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान चिट्टा खेप के मुख्य सप्लायर सोनू का पता चला। भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सोलन सदर थाना पुलिस ने सोनू की तलाश तेज की और भिवानी में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार सोनू को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने उसकी टाटा नेक्सॉन कार भी जब्त की है। जांच में पता चला कि सोनू हरियाणा में चिट्टा तस्करी का एक बड़ा सरगना है, जो दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में नशे की सप्लाई करता था। इसके खिलाफ हरियाणा के कलायत थाने में 24 ग्राम हेरोइन के साथ भी एक मामला दर्ज है। इस गिरफ्तारी ने सोलन पुलिस को नशा तस्करी के नेटवर्क को एक बड़ा झटका दिया है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस की सक्रियता की स्थानीय लोग भी सराहना कर रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर साईं इंटरनेशनल स्कूल ने अपने सहायक कर्मचारियों के योगदान को सराहा और उनका आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सभी छात्रों ने तालियों के साथ सहायक कर्मचारियों का स्वागत किया और उनके लिए बनाए गए कार्ड्स और गुलदस्तों के साथ उनका अभिनंदन किया। विद्यालय ने सहायक कर्मचारियों को उपहार दिए और उनके काम को सराहते हुए एक केक काटा। इसके साथ ही उनके कठिन प्रयासों को प्रदर्शित करने के लिए एक पॉवर पॉइंट प्रस्तुति भी दिखाई गई। विद्यालय के अध्यक्ष रमिंदर बावा और प्रधानाचार्या मीरा गुप्ता ने छात्रों को सिखाया कि हमें उन लोगों का सम्मान करना चाहिए जो हमारे लिए मेहनत करते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि यह दिन हमें उन कर्मचारियों के योगदान को याद करने और उनका सम्मान करने का अवसर प्रदान करता है, जो पर्दे के पीछे अपनी मेहनत से स्कूल को चला रहे हैं।
सिस इंडिया लिमिटेड शाहतलाई जिला बिलासपुर द्वारा 05 मई से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह जानकारी देते हुए क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने वीरवार को बताया कि सिस इंडिया लिमिटेड शाहतलाई जिला बिलासपुर द्वारा सिक्यूरिटी गार्ड व सिक्यूरिटी सुपरवाइजर (केवल पुरूष) के 200 पद क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी, धर्मशाला को अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों हेतु शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास, आयु 19 से 40 वर्ष तथा भार 52 किलो ग्राम से 95 किलो ग्राम के बीच रखा गया है। कम्पनी द्वारा रूपये 16500/- से 22000/- प्रति माह वेतन दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी अपने साथ दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, रिहायशी प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) तो 05 मई को उप रोज़गार कार्यालय, नगरोटा बगवां, 06 मई को उप रोज़गार कार्यालय, ज्वालामुखी, 07 मई को उप रोज़गार कार्यालय, काँगड़ा, 08 मई को उप रोज़गार कार्यालय, बड़ोह, 09 मई को उप रोज़गार कार्यालय,फतेहपुर तथा 13 मई को उप रोज़गार कार्यालय, लंबागांव में सुबह 11ः00 बजे पहुंचकर उक्त कम्पनी के समक्ष साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। उन्होंने सभी इच्छुक आवेदकों से अनुरोध करते हुए कहा है कि वह साक्षात्कार में भाग लेने से पहले https://eemis.hp.nic.in पर अपनी ई-मेल आईडी या मोबाइल नम्बर से लोगइन करने के बाद अपने डैशबोर्ड पर दिख रही सिस इंडिया लिमिटेड की रिक्तियों के लिए आवेदन करना होगा। अधिक जानकारी के लिये मो॰ 8558062252 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने अपने समर्पित कर्मचारियों के अमूल्य योगदान का सम्मान करने के लिए बड़े उत्साह और कृतज्ञता के साथ मजदूर दिवस मनाया। कार्यक्रम का आयोजन निदेशक संचालन ब्रिगेडियर एसडी मेहता के नेतृत्व में किया गया। समारोह की शुरुआत डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. नीरज गंडोत्रा के स्वागत भाषण से हुई, जिन्होंने संकाय, कर्मचारियों और मेहमानों सहित सभी उपस्थित लोगों का अभिवादन किया। डॉ. गंडोत्रा ने विश्वविद्यालय की सफलता की कहानी बनाने में कार्यबल की अपरिहार्य भूमिका को स्वीकार किया। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रो चांसलर विशाल आनंद ने मेहनती स्टाफ सदस्यों को उनकी अथक प्रतिबद्धता और अथक सेवा के लिए धन्यवाद दिया। कुलाधिपति प्रोफेसर पी के खोसला ने कर्मचारियों के अटूट समर्पण की सराहना की और विश्वविद्यालय के विकास और उत्कृष्टता को शक्ति देने वाले उनके पर्दे के पीछे के योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने एक आदर्श कार्य वातावरण बनाने में एकता, अनुशासन और ईमानदारी के महत्व पर जोर दिया।
बी एल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में प्रथम सत्र के लिए नए राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। विद्यालय अध्यक्ष ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह भर्ती कमांडिंग ऑफिसर प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन से आए पीआई स्टाफ हवलदार अजेज मोहम्मद और विद्यालय के एएनओ अमर देव की देखरेख में भर्ती प्रक्रिया संचालित की गई। इस दौरान हवलदार अजेज मोहम्मद ने सभी उपस्थित छात्रों को व्यवहारिक प्रशिक्षण और ड्रिल का अभ्यास कराया। उनकी दक्षता और मार्गदर्शन के बाद, 12 जूनियर विंग (JW) और 13 जूनियर डिवीजन (JD) एनसीसी कैडेट्स का चयन किया गया। विद्यालय अध्यक्ष ने सभी चयनित एनसीसी कैडेट्स को बधाई दी है। इसके अतिरिक्त, विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम लाल और मुख्याध्यापिका सुषमा ने भी सफल भर्ती प्रक्रिया के लिए चयनित कैडेट्स और एएनओ अमर देव को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। भर्ती प्रक्रिया के सफल समापन के बाद सभी के लिए जलपान की व्यवस्था की गई थी।
वीरवार को शूलिनी विश्वविद्यालय ने परिसर में पूर्वोत्तर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न राज्यों के छात्रों ने राज्यों की अनूठी संस्कृतियों और परंपराओं की झलकियां पेश कीं। इस समारोह में पूर्वोत्तर भारत के सभी आठ राज्यों के पारंपरिक नृत्य, लोक संगीत और समृद्ध परिधानों का मनोरम प्रदर्शन हुआ, जो विविधता में एकता की भावना को दर्शाता है। असम के जोशीले बिहू प्रदर्शनों से लेकर मिजोरम के सुंदर बांस चेराव नृत्य तक, छात्रों ने पारंपरिक कृत्यों की एक श्रृंखला के माध्यम से अपनी प्रतिभा और अपनी जड़ों के प्रति प्रेम का प्रदर्शन किया। दर्शकों को अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम के सांस्कृतिक परिदृश्यों से भी रूबरू कराया गया, जहां प्रत्येक प्रदर्शन ने अपनी मातृभूमि की अनूठी कहानी बयां की। पूनम नंदा निदेशक स्थिरता ने छात्रों की भारी भागीदारी और उत्साह पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की, उन्होंने कहा "शूलिनी में, हम मानते हैं कि हर संस्कृति हमारी सामूहिक शक्ति और सुंदरता में इजाफा करती है।
मैसर्ज़ शिवालिक बायोमेटल कंट्रोल लिमिटिड चम्बाघाट सोलन में 09 पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू 05 मई को ज़िला रोज़गार अधिकारी कार्यालय सोलन में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी ज़िला रोज़गार अधिकारी सोलन जगदीश कुमार ने दी। जगदीश कुमार ने कहा कि उक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास, फीटर, वेल्डर, बी.टेक मकैनिकल व आयु 22 से 29 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैसर्ज़ वर्धमान टेक्सटाइल्स लिमिटिड बद्दी में 200 पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू 05 मई को आयोजित होगा। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 08वीं से 12वीं पास व आयु 18 से 30 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवेदक की न्यूनतम ऊंचाई 05 फीट, न्यूनतम वजन महिलाओं के लिए 42 किलोग्राम तथा पुरूषों के लिए 50 किलोग्राम होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 209 पदों पर भर्ती की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर प्राप्त कर सकते हैं। सभी योग्य एवं इच्छुक आवेदक विभागीय पोर्टल ई.ई.एम.आई.एस. पर कैंडिडेट लॉगइन लैब के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत रेजिस्ट्रेशन प्रोफाइल पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदन करने से पूर्व प्रत्येक आवेदक का नाम रोज़गार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता सम्बन्धी सभी अनिवार्य प्रमाण पत्रों व दस्तावेज़ों सहित ज़िला रोज़गार कार्यालय सोलन में 05 मई को प्रातः 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदक को कोई भी यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए कार्यालय दूरभाष नम्बर 01792-227242 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के चलते 02 मई को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 02 मई को प्रातः 09.00 बजे से सांय 06.00 बजे तक कण्डाघाट, डोलग, परोथा, डेडघराट, शन्हेच, टिक्कर, माही, सिरीनगर, हाथो, पलेच, शलूमना, हिमूडा कॉलोनी, वाकनाघाट, छावशा, डुमैहर, कोट, क्वारग, कोठी, बाड़ा, आंजी ब्रहमणा, सैंज, गोग, कैथलीघाट, शालाघाट, क्यारीबंगला, बीशा, बाशा, सूरो, जे.पी. विश्वविद्यालय, चायल, दोची, मिलिट्ररी स्कूल, जीतनगर, आलमपुर, भालबाग, हिन्नर, कुरगल मिहानी, बिणू, डुबलू, नगाली एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि खराब मौसम अथवा अन्य कारणों से उपरोक्त निर्धारित तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 1 मई को ‘श्रमिक दिवस’ बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रों द्वारा प्रस्तुत एक विचारशील नाटक से हुई, जिसमें हमारे दैनिक जीवन में सहायकों के महत्व को दर्शाया गया। इस नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हमें अपने घरेलू सहायकों और अन्य सहायक कर्मचारियों के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करना चाहिए, क्योंकि वे हमारी सहायता के लिए हैं । इसके पश्चात एक विशेष टाइटल सेरेमनी आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के सहायकों को उनके समर्पण और कड़ी मेहनत के लिए सम्मानित किया गया। छात्रों द्वारा विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी सहायकों ने बड़े आनंद के साथ भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में उल्लास और उत्साह का वातावरण रहा। समारोह का समापन स्कूल प्रबंधन समिति और स्कूल प्रधानाचार्या डॉ. लखविंदर कौर अरोड़ा द्वारा सहायकों को उपहार भेंट कर किया गया।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बुधवार शाम को एक दुखद घटना सामने आई, जब मलाणा नदी पार करते समय दो युवक पानी के तेज बहाव में बह गए। इस हादसे में 19 वर्षीय इंद्रजीत का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि 21 वर्षीय रामचंद्र अभी भी लापता हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक कुल्लू के भुंतर से बुधवार शाम को मलाणा गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वे ब्रिज-4 के पास नदी पर बने एक अस्थाई पुल को पार कर रहे थे, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों युवक उसमें बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस, होमगार्ड, फायर ब्रिगेड, नेगी ब्रदर्ज और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। लापता युवक रामचंद्र की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने मलाणा डैम का पानी भी रोक दिया है, ताकि यदि युवक पानी के बहाव में आगे बह गया हो तो उसे खोजा जा सके। बचाव कार्य में जुटे छप्पू नेगी ने बताया कि लापता युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है और तलाशी अभियान जारी है। वहीं, पुलिस ने बरामद हुए युवक इंद्रजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जिसे बाद में परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इंद्रजीत का अंतिम संस्कार मलाणा में किया जाएगा। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ममता भनोट/ऊना: हरोली उपमंडल के कांगड़ में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय हरोली उत्सव की भव्य सफलता पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय ने क्षेत्रवासियों, आयोजकों और स्थानीय प्रशासन को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव ना केवल सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक बना, बल्कि इससे क्षेत्र को एक नई पहचान भी मिली। प्रशांत राय ने कहा कि लगभग सात वर्षों के बाद हरोली क्षेत्र में इतने बड़े स्तर का सांस्कृतिक उत्सव आयोजित हुआ, जिसे लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह और उत्सुकता थी। उन्होंने बताया कि आयोजन के पहले दिन से लेकर अंतिम सांस्कृतिक संध्या तक हर शाम हजारों की भीड़ उमड़ती रही, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि लोग इस तरह के आयोजन की प्रतीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सफलता में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री का अहम योगदान रहा, जिन्होंने न सिर्फ उत्सव की रूपरेखा को मूर्त रूप देने में मदद की, बल्कि हर स्तर पर सहयोग कर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशांत राय ने उपमुख्यमंत्री को इस सराहनीय कार्य के लिए बधाई दी और कहा कि वे जनता की भावनाओं से जुड़े नेता हैं। युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि हरोली भाजपा से लेकर जिला भाजपा तक कई नेताओं ने इस उत्सव का विरोध किया और इसे राजनैतिक चश्मे से देखा, लेकिन जनता ने भाजपा के इस विरोध को नकारते हुए उत्सव में भारी संख्या में भाग लेकर एकता और भाईचारे की मिसाल पेश की। उन्होंने यह भी कहा कि विरोध करने वाले कई भाजपा नेता स्वयं सोशल मीडिया पर उत्सव की झलकियों को देर रात तक देखते रहे, जिससे यह साफ है कि विरोध केवल दिखावे के लिए था। प्रशांत राय ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की भी कड़ी निंदा की और इस घटना में मारे गए निर्दोष नागरिकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह समय देश में एकजुटता का है, लेकिन भाजपा इस दुखद घटना पर भी राजनीति करने में लगी है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उत्सव की खास बात का जिक्र करते हुए राय ने बताया कि इस आयोजन में पंजाब के लोकप्रिय गायक और कलाकारों के साथ-साथ हिमाचल के लोक कलाकारों को भी मंच प्रदान किया गया, जिससे लोक संस्कृति को बढ़ावा मिला। अंतिम सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह हिमाचली कलाकारों को समर्पित रही, जिसे लोगों ने खूब सराहा। प्रशांत राय ने कहा कि इस तरह के आयोजन ना केवल युवाओं में सांस्कृतिक चेतना जागृत करते हैं, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यापार और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार होते रहेंगे और हरोली एक सांस्कृतिक हब के रूप में विकसित होगा।
सुनील/बिलासपुर: जिला बिलासपुर के घुमारवीं शहर के दकड़ी चौक पर बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी द्वारा पंजीकरण करवाने के लिए कहने पर कश्मीरी चरानियों ने गुंडागर्दी दिखाई। आरोप है कि एक युवक ने पुलिसकर्मी को कुल्हाड़ी से डराने की कोशिश की और फिर वहां से भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार, दकड़ी चौक पर तैनात पुलिसकर्मी ने तीन दिन पहले इन कश्मीरी चरानियों को अपना पंजीकरण करवाने के लिए कहा था। हालांकि, वे हर बार इस बात को टालते रहे थे। बुधवार को जब पुलिसकर्मी ने उनसे दोबारा पूछताछ की, तो वे बहस करने पर उतर आए। इसी दौरान, कथित तौर पर एक युवक ने आपा खो दिया और अपनी कुल्हाड़ी उठाकर पुलिसकर्मी को डराने लगा पुलिसकर्मी को कुल्हाड़ी लहराते देख आसपास के लोग तुरंत हरकत में आ गए और उन्होंने इन युवकों को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी। बाजार में मौजूद लोगों की मदद से सभी युवकों को पकड़ लिया गया और फिर उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। घुमारवीं पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए इन युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिसकर्मी के बयान के आधार पर युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। इस घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के प्राइमरी टीचर संघ (PTF) ने शिक्षा विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर स्कूलों में ब्रॉडबैंड और शिक्षकों को इंटरनेट चलाने के लिए सिम कार्ड उपलब्ध नहीं कराए गए, तो प्रदेश भर के प्राइमरी टीचर ऑनलाइन से जुड़े सभी काम बंद कर देंगे। PTF के अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश के ज्यादातर स्कूलों में सरकार द्वारा दिए गए टैब या तो खराब पड़े हैं या फिर उनमें तकनीकी खराबी आ गई है। इसके अलावा, कई स्कूलों में ब्रॉडबैंड की सुविधा तक नहीं है, जिसके चलते शिक्षकों को ऑनलाइन कार्य करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि विभाग तुरंत सभी स्कूलों में ब्रॉडबैंड की व्यवस्था करे और शिक्षकों को अपने निजी इंटरनेट का इस्तेमाल करने से बचाने के लिए सरकारी सिम कार्ड मुहैया कराए। अध्यक्ष शर्मा ने साफ कहा कि यदि विभाग उनकी इन जायज मांगों को 15 दिन के भीतर पूरा नहीं करता है, तो प्रदेश का हर प्राइमरी टीचर ऑनलाइन शिक्षण और अन्य सभी संबंधित कार्यों का बहिष्कार करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी। संघ ने इस संबंध में विभाग को विधिवत नोटिस भी सौंप दिया है। गौरतलब है कि प्राइमरी टीचर संघ पहले से ही शिक्षा निदेशालय के पुनर्गठन के विरोध में आंदोलन कर रहा है। 26 अप्रैल को शिमला में शिक्षा निदेशालय के बाहर धरना प्रदर्शन करने के बाद सरकार ने 10 शिक्षकों को निलंबित कर दिया था और कई अन्य पर एफआईआर भी दर्ज की गई थी। इस कार्रवाई के बावजूद, शिक्षकों का हौसला कम नहीं हुआ है। अध्यक्ष जगदीश शर्मा ने स्पष्ट किया कि प्राथमिक शिक्षक इस तरह के तानाशाही रवैये के आगे झुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार बातचीत के लिए आगे आती है, तो संघ हमेशा वार्ता के लिए तैयार है। उन्होंने 26 नवंबर के पूर्व के धरने का हवाला देते हुए कहा कि उस दिन किसी भी शिक्षक ने किसी का रास्ता नहीं रोका था, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। इसके बावजूद, विभाग ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज करवाई, जो कि निंदनीय है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर के लगभग 22 हजार प्राइमरी टीचर शिक्षा निदेशालय के पुनर्गठन और कुछ अन्य मांगों को लेकर पिछले एक सप्ताह से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। 26 अप्रैल को शिक्षा विभाग की चेतावनी को दरकिनार करते हुए शिक्षकों ने शिमला के चौड़ा मैदान में विशाल धरना प्रदर्शन किया था, जिसके बाद विभाग ने दंडात्मक कार्रवाई करते हुए 10 शिक्षकों को निलंबित कर दिया। अब धरने में शामिल अन्य सभी शिक्षकों की सूची भी तैयार की जा रही है और उनका एक दिन का वेतन काटने की तैयारी है। इसके साथ ही, धरने के दौरान सरकार और अधिकारियों की आलोचना करने वाले शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है | शिक्षकों का आरोप है कि निदेशालय के पुनर्गठन की प्रक्रिया में उन्हें विश्वास में नहीं लिया गया। उनका कहना है कि पुनर्गठन से पहले शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव के साथ कई बैठकें हुईं, लेकिन किसी भी बैठक की कार्यवाही को सार्वजनिक नहीं किया गया, जिससे शिक्षकों में यह डर पैदा हो गया है कि निदेशालय के पुनर्गठन से उनके अधिकारों का हनन हो सकता है। अब शिक्षक अपनी मांगों के पूरी होने तक हड़ताल खत्म करने के मूड में नहीं दिख रहे हैं।
देवभूमि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक बारहवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई है। इस घिनौने अपराध में शामिल चार आरोपियों को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें से एक पीड़िता का सहपाठी है और तीन उसके दोस्त बताए जा रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पीड़िता, जो अपने माता-पिता के साथ महिला थाना बिलासपुर पहुंची, ने अपनी दर्दनाक आपबीती सुनाई। उसने बताया कि तीन साल पहले उसकी दोस्ती कक्षा में पढ़ने वाले एक लड़के से हुई थी। आरोप के अनुसार, अक्तूबर 2024 में उस लड़के ने उसे बिलासपुर मिलने के लिए बुलाया। जब वह बिलासपुर पहुंची, तो वह उसे पैदल ही बंदला की पहाड़ी की ओर घुमाने ले गया। रास्ते में एक सुनसान जगह पर उस लड़के और उसके एक दोस्त ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे इस बारे में किसी को भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पीड़िता के अनुसार, यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। बीते 27 मार्च को उस सहपाठी ने उसे दोबारा बिलासपुर बुलाया। डर के कारण वह मना नहीं कर पाई और चली गई। इस बार बिलासपुर में उस सहपाठी के साथ दो अन्य लड़के भी मौजूद थे। पहले वह सहपाठी उसे बंदला की पहाड़ी पर उसी सुनसान जगह पर ले गया, जहां उन्होंने पहले भी इस वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद, वे तीनों लड़के वहां इकट्ठे हो गए और तीनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि दुष्कर्म के दौरान उस सहपाठी ने वीडियो भी बनाई और उन्होंने उसे फिर से मुंह बंद रखने की धमकियां दीं। डर और सदमे के कारण वह इतने दिनों तक इस भयानक घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बता पाई। आखिरकार, मंगलवार को उसने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को सब कुछ बताया, जिसके बाद तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने इस गंभीर मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
सोलन जिले के धर्मपुर निवासी एक व्यक्ति को साइबर अपराधियों ने फर्जी कॉल्स और धमकियों के जरिए 8.5 लाख रुपए की ठगी का शिकार बना लिया। पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के इंदौर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से दो आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार, 15 नवम्बर, 2024 को धर्मपुर पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 11 नवम्बर, 2024 को उसे एक अज्ञात कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को टैलीकॉम अधिकारी बताया और पीड़ित से कहा कि उसके मोबाइल नंबर से अवैध गतिविधियां जुड़ी हैं और यह नंबर उसके आधार कार्ड से खरीदा गया था। कॉलर ने यह भी दावा किया कि उस नंबर पर एफआईआर दर्ज है और आधार कार्ड का दुरुपयोग हो रहा है। इसके बाद कॉल को मुंबई पुलिस अधिकारी संदीप राव के पास ट्रांसफर किया गया। संदीप राव ने पीड़ित को डराने के लिए वीडियो कॉल पर एक व्यक्ति को पुलिस अधिकारी के रूप में दिखाया और पीड़ित से अपने बैंक खातों की जानकारी देने का दबाव डाला। आरोपियों ने फर्जी एफआईआर, गिरफ्तारी आदेश और आरबीआई के दस्तावेज दिखाकर मनी लॉन्ड्रिंग और अपराधी नरेश गोयल से कथित संबंधों का भय दिखाया। इसके बाद पीड़ित और उनके बेटे ने कुल 8.5 लाख रुपए, जिसमें 50,000 रुपए गूगल पे और 8 लाख रुपए एनईएफटी के माध्यम से अपराधियों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगी की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध बैंक खातों और मोबाइल डेटा का विश्लेषण किया, जिसके बाद तीन आरोपियों महेश पाटीदार (38), रोहित कररे उर्फ रोहण कररे (33), और श्याम कुमार (38) को इंदौर से गिरफ्तार किया। आरोपियों को सोलन कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला कि श्याम कुमार और महेश पाटीदार के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस इस रैकेट के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए गहन जांच कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर विश्वास करने से पहले सतर्क रहें और ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 5 मई से प्रस्तावित हिमाचल प्रदेश दौरा अब स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय राज्य में आने वाले खराब मौसम के चलते लिया गया है। प्रदेश सरकार को राष्ट्रपति के दौरे की स्थगन की सूचना मिल गई है, और अब राष्ट्रपति की यात्रा की नई तारीखों के बारे में कोई भी आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने इस बारे में एक पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि अगले छह दिनों तक हिमाचल प्रदेश में मौसम काफी खराब रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश और ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। ऐसे में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है, क्योंकि खराब मौसम से यात्रा और सुरक्षा संबंधित समस्याएं उत्पन्न हो सकती थीं। अब, राष्ट्रपति के दौरे के लिए नया समय तय किया जाएगा, और सरकार इस संबंध में शीघ्र ही नई तारीखों का ऐलान करेगी।
शिमला में 26 अप्रैल को आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने वाले प्राथमिक शिक्षकों के खिलाफ एक दिन का वेतन काटने की प्रक्रिया अब शुरू हो गई है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने संबंधित जिलों से शिक्षकों की हाजिरी का रिकॉर्ड मांगा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कौन-कौन शिक्षक बिना छुट्टी लिए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसके साथ ही, चौड़ा मैदान में हुए प्रदर्शन की वीडियो रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है। हालांकि, इन शिक्षकों की वेतन कटौती अप्रैल माह के वेतन से नहीं की जाएगी, बल्कि मई महीने के वेतन से यह कटौती की जाएगी। निदेशालय ने दो सप्ताह के भीतर इन शिक्षकों की सूची तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। शिक्षा सचिव राकेश कंवर द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, जिन शिक्षकों ने सरकार द्वारा रोकने के बावजूद प्रदर्शन में भाग लिया, उनका एक दिन का वेतन काटा जाएगा। इसके लिए, निदेशालय ने संबंधित तारीख के लिए शिक्षकों की हाजिरी का रिकॉर्ड इकट्ठा करने का आदेश दिया है। जिन शिक्षकों ने प्रदर्शन के दिन छुट्टी नहीं ली होगी और स्कूल से गैर हाजिर पाए जाएंगे, उनका वेतन काटा जाएगा। इसके साथ ही, सरकार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने वाले शिक्षकों को निलंबित भी किया जाएगा। इस मामले में अब तक आठ शिक्षकों को निलंबित किया जा चुका है और बाकी शिक्षकों के कार्य व्यवहार की भी जांच की जा रही है। वहीं, प्राथमिक शिक्षकों ने अब अपनी जिम्मेदारी संभालते हुए स्कूलों में पढ़ाई का काम फिर से शुरू कर दिया है, साथ ही ऑनलाइन कार्य भी करने लगे हैं। सरकार ने यह स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यदि कोई शिक्षक ऑनलाइन कार्य में भाग नहीं लेता है, तो उसे अनिवार्य सेवानिवृत्ति का सामना करना पड़ेगा।
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में प्रस्तावित आईपीए टी-टवेंटी क्रिकेट मैच से पहले जिला प्रशासन ने बुधवार आपदा की हर स्थिति से निपटने के लिए माॅक एक्सरसाइज करवाई गई। इस अवसर पर एडीएम शिल्पी बेक्टा ने बताया कि पूर्व तैयारी के तौर पर स्टेडियम में भीड़ प्रबंधन तथा मैच के दौरान आपात स्थिति होने पर किस तरह से मैदान को खाली करवाना इत्यादि पर आपदा प्रबंधन प्लान के तहत माॅक एक्सरसाइज की गई है ताकि आपदा आपदा प्रबंधन प्लान के तहत किस किस अधिकारी की क्या डयूटी रहेगी उसके बारे में अभ्यास करवाया गया है। एडीएम शिल्पी बेक्टा ने कहा कि एचपीसीए की ओर से मैच डयूटी पर रहने वाले कर्मियों को भी आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा चुका है तथा मैच के दौरान आपातकालीन सेवाओं में तैनात रहने वाले अधिकारियों तथा कर्मचारियों को भी सतर्क रहने के दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को मैच के आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को स्टेडियम में अग्नि संबंधी आपातकालीन प्रबंधों का निरीक्षण करने तथा आवश्यक अग्निशमन सेवाएं सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
बुधवार को कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने विकास खण्ड कण्डाघाट की ग्राम पंचायत देलगी में राजस्व विभाग द्वारा आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर की अध्यक्षता की। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को घर-द्वार पर मूलभूत सेवाएं प्रदान करना था। उन्होंने कहा कि इससे जहां लोगों के समय व धन की बचत होगी वहीं उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जानकारी व लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा लोगों का जीवन सरल बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की गई है। शिविर में ग्राम पंचायत भारती, रणो, शडियाना, कक्ड़हट्टी, देयोठी, चामत भढ़ेच, तोप की बेड़, हरिपुर और जाडली के ग्रामीणों की जन समस्याएं सुनी गई। शिविर में लोगों की सुविधा के लिए आधार अद्यतन संबंधी काउंटर लगाया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लोगों को प्राकृतिक हल्दी के उत्पादन संबंधी जानकारी एवं परामर्श, स्वास्थ्य जांच, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, अपंग पेंशन, संबंधी आवेदन व पंजीकरण कार्य की जानकारी दी गई। शिविर में 23 लोगों के आय प्रमाण पत्र, 11 लोगों के हिमाचली प्रमाण पत्र, 07 लोगों के अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, 14 इंतकाल, 01 नया आधार कार्ड व 14 आधार कार्ड अपडेट किए गए। उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार घर-द्वार पर लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत देलगी की प्रधान प्रोमिला शर्मा, ग्राम पंचायत देलगी के उप प्रधान सीता राम, कृषि उपज विपणन समिति सोलन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, बीडीसी सदस्य सुषमा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजीव ठाकुर, देवेन्द्र शर्मा, एस.डी.पी.ओ. परवाणू मेहर पंवार, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट गोपाल चंद शर्मा, तहसीलदार सोलन मुल्तान सिंह बनियाल, तहसील कल्याण अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारियों उपस्थित थे।
कुनिहार:-गंभरपुल के नजदीक दयोथल में विराजमान देव बृजेश्वर का जन्मोत्सव बुधवार को बड़ी धूमधाम से मनाया गया। मंदिर प्रबंधन कमेटी के प्रधान रमेश कुमार व उपप्रधान रणजीत सिंह वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आज अक्षय तृतीया के अवसर पर देव बृजेश्वर महादेव का जन्मोत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।इस अवसर पर कलश स्थापना,गायत्री पाठ, पूजा अर्चना के साथ जन्मोत्सव पूजन हवन व पूर्णाहुति के साथ किया गया। इस मौके पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग शिमला के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कलाकारों द्वारा एक से एक सुंदर भजनों द्वारा देव गुणगान किया गया । उन्होंने बताया कि दूर दूर से हजारों श्रद्धालु देव जन्मोत्सव में पहुंचे व देव का आशीर्वाद लिया। कमेटी द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया था जिसमें सभी ने भंडारे का प्रशाद ग्रहण किया। इस अवसर पर रमेश कुमार प्रधान मंदिर प्रबंधन कमेटी,रणजीत सिंह उप प्रधान ,गणेश दत्त शर्मा कोषाध्यक्ष, गणेश दत्त शर्मा सचिव ,मदन ठाकुर, सोमेश शर्मा, जियालाल वर्मा,चतर सिंह ठाकुर,हरदेव,सुनिल कुमार शर्मा,रोशन लाल गौड, राजेंद्र शर्मा सदस्य मौजूद रहे।
जिला व सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजीव बाली ने बताया है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली व हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण शिमला के निर्देशानुसार हिमाचल प्रदेश के सभी जिला न्यायलयों व अधीनस्थ न्यायलयों में 10 मई, 2025 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत में बैंक से संबंधित, श्रम विवाद, बिजली व पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, चैक बाऊसिंग, पूर्व मुकदमेबाजी व लंबित मामले सुने जाएँगे। यदि कोई व्यक्ति मुकदमे से पहले संबंधित व्यक्ति या विभाग से समझौता करने का इच्छुक है तो वह संबंधित कोर्ट में आवेदन कर सकता है। अधिक जानकारी के लिए कोई भी व्यक्ति - विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01892-222370, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति धर्मशाला 01892-222018, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति कांगड़ा 01892-264808, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति देहरा 01970-233599, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति पालमपुर 01894-231614, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति नूरपुर 01893-220770, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति बैजनाथ 01894-262477, उपमंडलीय विधिक सेवा समिति ज्वाली 01893-264307 और उपमंडलीय विधिक सेवा समिति इंदौरा के दूरभाष नंबर 01893-241210 पर सम्पर्क कर सकता है। अगर कोई व्यक्ति अपनी समस्या ऑनलाइन भेजना चाहता है तो वह राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण न्यू दिल्ली की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है या हेल्पलाईन के टोल फ्री नंबर 15100 पर कॉल कर सकता है। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया है कि वह बढ़ चढ़कर आगामी 10 मई की लोक अदालत में हिस्सा लें।
बुधवार को विद्युत उपमंडल मैकलोड़गंज के सहायक अभियन्ता अभिषेक कटोच ने बताया कि 01 मई को 33/11 केवी सबस्टेशन तोतारानी में विद्युत लाइनों के रख रखाव हेतु तोतारानी, बाल्ह, बरनेट, सतोबरी, नड्डी, डल झील, धीयाल, चन्दमारी, टैंगलवुड, फोरसिथगंज, सैरी, भागसू नाग, धर्मकोट आदि क्षेत्रों में प्रातः 9ः30 बजे से शाम 05ः00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने पर यह कार्य अगले दिन किया जाएगा।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्की की मासिक बैठक व विधायक जनता के द्वार कार्यक्रम इस बार 2 मई को सुबह 11बजे कुनिहार के लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित किया जाएगा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक संजय अवस्थी एवं हिमाचल कामगार बोर्ड के चेयरमैन नरदेव कंवर विशेष रूप से उपस्थित होंगे। सतीश कश्यप ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सभी अग्रणी संगठनों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में भाग ले। वहीं कुनिहार पंचायत के प्रधान राकेश ठाकुर ने बताया कि इसी दिन प्रातः साढ़े 10 बजे विधायक संजय अवस्थी द्वारा कुनिहार में बनने वाले सब तहसील भवन का भूमि पूजन किया जाएगा। तथा दोपहर में महाराजा पदम सिंह स्टेडियम के सभागार में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार बोर्ड सोलन का एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।जिसमें विधायक संजय अवस्थी मुख्य अतिथि तथा नरदेव कंवर चेयरमैन कामगार बोर्ड विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित होंगे। इस कार्यशाला में मुख्यातिथि द्वारा लाभार्थियों को चैक वितरित किए जाएंगे। तथा बोर्ड द्वारा लाभार्थियों को अन्य जानकारियां दी जाएगी।
बुधवार को उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि भूकंप से नुक्सान को कम करने के लिए ईमारतों की रेट्रोफिटिंग जरूरी है तथा इसी दिशा में प्रारंभिक तौर पर विद्यालयों तथा अस्पतालों की इमारतों को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से रेट्रोफिटिंग का प्रयास आरंभ किया गया है। बुधवार को धौलाधार होटल में हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सिविल इंजीनियरों के लिए भूकंप रेट्रोफिटिंग और मरम्मत तकनीकों पर दो दिवसीय राज्य स्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ करने के उपरांत उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए यहां के घरों और इमारतों को भूकंप रेट्रोफिटिंग की आवश्यकता है। यह तकनीक भूकंप से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद करती है। भूकंप रेट्रोफिटिंग से इमारतों में रहने वाले लोगों की जानमाल की सुरक्षा होती है। उन्होने बताया कि कांगड़ा जिला में अभी तक 10 ईमारतों की रेट्रोफिटिंग के लिए राज्य आपदा प्रबन्धन ने पैसे जारी किए हैं। इन 10 ईमारतों में अस्पताल और स्कूल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के लिए 30 ईमारतों का चयन किया गया है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निदेशक डीसी राणा ने कहा कि राज्य सरकार भी आपदा प्रबंधन को लेकर उच्च स्तर पर कार्य रही है इस बावत आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है ताकि हिमाचल में भूकंप जैसी आपदा से होने वाले नुक्सान को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि भारत के सबसे अधिक भूकंप-प्रवण क्षेत्रों में संरचनात्मक सुरक्षा को बढ़ाने की महत्वपूर्ण आवश्यकता को पहचानते हुए, हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) पूरे राज्य में सुरक्षित निर्माण प्रथाओं को बढ़ावा देने पर जोर दे रहा है। आपदा जोखिम में कमी के लिए सक्रिय कदम उठाने की आवश्यकता है। इसी के दृष्टिगत एचपीएसडीएमए, वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद - केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान रुड़की के सहयोग से, इमारतों की संरचनाओं के लिए भूकंप रेट्रोफिटिंग और मरम्मत तकनीकों पर एक राज्य स्तरीय क्षमता निर्माण पर कार्यशाला आयोजित कर रहा है ताकि विभिन्न विभागों के इंजीनियर्स रेट्रोफिटिंग और मरम्मत तकनीकों के बारे में जानकारी ले सकें। इस अवसर पर एडीएम शिल्पी बेक्टा ने कार्यशाला में मुख्यातिथि सहित सभी प्रतिभागियों का आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान से एसके नेगी, डॉ अजय चौरासिया, ई सुगम प्रजापति, ई आशीष कपूर, ई जालाज पराशर सहित राज्य भर से विभिन्न विभागों के ईंजीनियर्स उपस्थित थे।
पांगी/ चंबा: हिमाचल प्रदेश के पांगी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शूण के अंतर्गत सधारी गांव में सिंधारी नाले पर बनी पुलिया ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। प्रतिदिन इस खस्ताहाल पुलिया से गुजरने वाले सैकड़ों लोग अपनी सुरक्षा को लेकर दहशत में हैं। स्थानीय विधायक डॉ. जनक राज ने इस गंभीर मुद्दे पर सरकार को कई आरोप लगाए। उन्होंने इस पुलिया को खतरे का प्रतीक करार देते हुए कहा कि सरकार इस समस्या पर आंखें मूंदे बैठी है। जनक राज ने आरोप लगाया कि पूंजीगत व्यय में भारी कटौती के कारण पिछड़े और दुर्गम भौगोलिक क्षेत्रों का विकास बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने वर्तमान सरकार की नीतियों और वित्तीय प्रबंधन को विफल बताते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए न तो पर्याप्त धन है और न ही सरकार में इच्छाशक्ति दिखाई दे रही है। व्यवस्था परिवर्तन के नारे के साथ सत्ता में आई सरकार पर निशाना साधते हुए विधायक ने कहा कि पांगी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे यहां के लोगों का जीवन और मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने मांग उठाई कि सधारी पुलिया की खतरनाक स्थिति को तत्काल संज्ञान में लिया जाए। उन्होंने इस पुलिया के स्थायी समाधान के लिए तुरंत बजट आवंटित करने और ठोस कार्रवाई करने का आग्रह किया है, ताकि ग्रामीणों के जीवन को सुरक्षित किया जा सके।
शिमला में आज सुबह आवारा कुत्तों के एक झुंड ने स्कूल जा रहे तीन मासूम बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच ढली टनल के पास हुई, जब बच्चे अपने स्कूल की ओर जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, अचानक लावारिस कुत्तों के झुंड ने बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे उनके पैरों पर गहरे घाव आए हैं। हमले में लहूलुहान हुए तीनों बच्चों को तुरंत उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया। इस घटना से आक्रोशित एक स्कूली छात्र के पिता, कर्मचंद भाटिया, नगर निगम मेयर कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने अपना गुस्सा व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में आवारा कुत्तों के हमले की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने कहा कि आज मेरे बेटे और अन्य बच्चों को कुत्तों ने काटा है, लेकिन नगर निगम इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि कब तक यह सिलसिला चलता रहेगा? उन्होंने नगर निगम से इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि इस घटना को आज नगर निगम हाउस की बैठक में उठाया जाएगा और इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
सोलन, 30 अप्रैल: बुधवार को काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE), नई दिल्ली ने 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया जिसमें सोलन के दयानंद आदर्श विद्यालय के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी मेहनत का लोहा मनवाया। विद्यालय की प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने बताया कि इस वर्ष 10वीं कक्षा (ICSE) का परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा है, जो विद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। वहीं, 12वीं कक्षा (ISC) में भी छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 98% सफलता दर दर्ज की है। उन्होंने 10वीं कक्षा के मेधावी छात्रों की जानकारी देते हुए बताया कि कनन भंडारी ने 91.33% अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया है। रिद्धिमा ने 89.16% अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि दिव्यांश ठाकुर 87.83% अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। वहीं 12वीं ( ISC) कक्षा में भी छात्रों ने कड़ी प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अनमोल और देवांशू नेगी ने संयुक्त रूप से 90.8% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। तनीषा चौहान 89.2% अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं, और मयंक शर्मा ने 87.6% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान अपने नाम किया। इस शानदार सफलता पर स्कूल की प्रधानाचार्या ऊषा मित्तल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उत्कृष्ट परिणाम छात्रों की अथक मेहनत और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का ही नतीजा है। उन्होंने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय हमेशा उनके साथ है।
हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध चूड़धार चोटी से दो पर्यटक लापता हो गए हैं। यह चोटी शिमला और सिरमौर जिलों की सीमा पर स्थित है और हर साल यहां हजारों श्रद्धालु व ट्रैकिंग प्रेमी पहुंचते हैं। बीती रात को चूड़धार चोटी से दो पर्यटक रास्ता भटक गए, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की टीम ने उनका पता लगाने के लिए रैस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ निवासी धीरज नामक व्यक्ति ने हैल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस थाना चौपाल को सूचित किया। उसने बताया कि वह अपने 5-6 दोस्तों के साथ सिरमौर जिले के नौहराधार मार्ग से चूड़धार मंदिर आया था, जहां उसके दो साथी शुभम और प्रभजोत समूह से बिछड़ गए। इसके बाद उनके मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हो गए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वे रास्ता भटक गए हैं या किसी संकट में हैं। सूचना मिलते ही चौपाल थाना की टीम तुरंत चूड़धार के लिए रवाना हो गई। इसके साथ ही मंदिर परिसर में रह रहे स्थानीय व्यक्ति विक्की शर्मा से भी अनुरोध किया गया है कि वह धीरज के साथ मिलकर लापता पर्यटकों की तलाश में मदद करें। पुलिस चौकी नौहराधार को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है, ताकि दोनों जिलों की सीमा पर समन्वय बनाकर तलाश अभियान को और तेज किया जा सके।
धर्मपुर (मंडी): हिमाचल प्रदेश के धर्मपुर में पिछले साल नवंबर में एक व्यक्ति से हुई लाखों रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धर्मपुर पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश के इंदौर से तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान महेश पाटीदार (38 वर्ष), रोहित कररे उर्फ रोहण कररे (33 वर्ष) और श्याम कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धर्मपुर निवासी शिकायतकर्ता को 11 नवंबर, 2024 को टेलीकॉम ऑफिस से एक व्यक्ति का फोन आया था, जिसने उनके मोबाइल नंबर पर गलत गतिविधियों का हवाला देकर उसे बंद करने की बात कही। इसके बाद जालसाजों ने उन्हें मुंबई पुलिस का अधिकारी बनकर डराया और उनके आधार कार्ड का गलत इस्तेमाल होने तथा मनी लॉन्ड्रिंग में उनके नाम आने की झूठी कहानी रची। पीड़ित को वीडियो कॉल पर एक फर्जी पुलिस अधिकारी दिखाया गया और उन्हें एक कमरे में अकेले बैठकर कमरा दिखाने के लिए कहा गया। जालसाजों ने उन्हें गिरफ्तारी वारंट और आरबीआई के फर्जी दस्तावेज भी दिखाए, जिससे वे बुरी तरह डर गए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से पीड़ित से कुल 8 लाख 50 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए और फिर उनसे संपर्क तोड़ दिया। शिकायत के बाद धर्मपुर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। साइबर साक्ष्यों और बैंक खातों के विवरण का विश्लेषण करने के बाद पुलिस टीम ने 25 अप्रैल, 2025 को इंदौर में दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। आरोपियों को इंदौर न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर धर्मपुर लाया गया, जहां उन्हें अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड पर गया है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से दो, श्याम कुमार पाटीदार और महेश पाटीदार, के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। श्याम कुमार पर मध्य प्रदेश के शाजापुर में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है, जबकि महेश पाटीदार पर खरगोन में मारपीट का मामला दर्ज है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और उम्मीद है कि पूछताछ में और भी खुलासे हो सकते हैं। इस सफलता से साइबर ठगी के मामलों पर अंकुश लगाने में पुलिस को महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।


















































