आज शिमला के चौड़ा मैदान में भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ एक बड़ा प्रदर्शन का रही है। इस प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सहित भाजपा के कई विधायक और कार्यकर्त्ता भी शामिल हो रहे है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि राज्य में माफियाराज स्थापित हो चुका है, जिसमें चिट्टा माफिया, खनन माफिया, ट्रांसफर माफिया, और कबाड़ माफिया का बोलबाला है। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के ढाई साल के शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। चंबा में एक दलित युवक की हत्या से लेकर महिलाओं के उत्पीड़न और शोषण की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है और सरकार इन घटनाओं पर पूरी तरह से मूक दर्शक बनी हुई है। उन्होंने राज्य में बढ़ते माफिया तंत्र के बारे में भी खुलकर बोला। बिंदल ने कहा कि पूर्व में बिहार और उत्तर प्रदेश की बदनामी होती थी, लेकिन अब हिमाचल प्रदेश उस दिशा में बढ़ रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार पर आर्थिक मोर्चे पर भी हमला किया। उनका कहना था कि कांग्रेस ने जनता के लिए महंगाई बढ़ाई है। पेट्रोल-डीजल, राशन, बिजली, पानी, और सीमेंट जैसे जरूरी सामानों की कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बेरोजगारों, कर्मचारियों और किसानों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए और लोगों को धोखा दिया। इसके अलावा, उन्होंने सरकारी दफ्तरों और संस्थाओं को बंद करने के फैसले को भी कड़ी आलोचना की।
शूलिनी विश्वविद्यालय ने शिक्षा और अनुसंधान में सहयोग के लिए यूके के एबरडीन विश्वविद्यालय के एक प्रतिष्ठित प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस यात्रा ने अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक साझेदारी को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई , जिसमें छात्र विनिमय कार्यक्रम, संकाय सहयोग और दोहरी डिग्री पहल पर केंद्रित चर्चाएं हुईं। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व एबरडीन विश्वविद्यालय के प्रिंसिपल और कुलपति प्रोफेसर जॉर्ज बॉयने और एबरडीन विश्वविद्यालय के लोगों की निदेशक डेबी डाइकर ने किया। उनकी यात्रा ने वैश्विक जुड़ाव और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए एबरडीन विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया, एबरडीन विश्वविद्यालय वर्तमान में क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में प्रभावशाली 236 रैंक रखता है। यात्रा के हिस्से के रूप में, प्रोफेसर जॉर्ज बॉयने ने स्थिरता और हरित पहल के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए शूलिनी विश्वविद्यालय के पारिस्थितिक पार्क की आधारशिला रखी। उन्होंने इनोवेटर्स ट्रेल का भी उद्घाटन किया, जो अनुसंधान, रचनात्मकता और अभूतपूर्व विचारों का उत्सव है। अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक आदान-प्रदान को बढ़ाने के लिए रणनीतिक चर्चाएँ की गईं। शूलिनी विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के उप निदेशक डॉ. रोज़ी धन्ता ने 2+2 कार्यक्रमों, दोहरी डिग्री और विदेश में अध्ययन के अवसरों के विस्तार पर विचार-विमर्श का नेतृत्व किया, जिसका उद्देश्य छात्रों को वैश्विक शिक्षण अनुभव प्रदान करना था। इसके अतिरिक्त, एबरडीन विश्वविद्यालय के लोगों की निदेशक डेबी डाइकर ने बीएससी ग्लोबल यूओएम + एसआरपी छात्रों के साथ एक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया, जिसमें करियर विकास और अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा पर अंतर्दृष्टि साझा की गई। प्रतिनिधिमंडल को शूलिनी विश्वविद्यालय के अत्याधुनिक अनुसंधान केंद्रों का दौरा कराया गया, जिसमें एआई और फ्यूचर सेंटर, आईपीआर और नैनो टेक्नोलॉजी लैब शामिल हैं। आगंतुकों ने विश्वविद्यालय के अत्याधुनिक बुनियादी ढांचे और नवाचार-संचालित शैक्षिक दृष्टिकोण की प्रशंसा की। सुश्री डाइकर ने विशेष रूप से परिसर की लुभावनी सुंदरता की सराहना की। शूलिनी विश्वविद्यालय और एबरडीन विश्वविद्यालय उच्च प्रभाव वाली शैक्षणिक पहलों पर सहयोग करने के लिए तैयार हैं
करसोेग में अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में मनाये जाने वाले सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेले के आयोजन को लेकर एसडीएम करसोग गौरव महाजन की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि देवों के देव ममलेश्वर महादेव के आर्शीवाद व उनके निर्देशानुसार ही मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम गौरव महाजन ने कहा कि नलवाड़ मेला एक पौराणिक व प्राचीन मेला है। इस वर्ष मेले को वर्तमान परिस्थितियों और युवा पीढ़ी की आवश्यकताओं को मध्यनजर रखते हुए आधुनिक समयानुसार आयोजित किया जाएगा। उन्होंने नलवाड़ मेले के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों को दिशा निर्देश जारी कर मेले से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी के आपसी सहयोग से ही मेले को एक भव्य व आकर्षक रूप प्रदान किया जा सकता है। जिसके लिए हम सभी को सामूहिक प्रयास करने होंगे। एसडीएम ने कहा कि मेले के दौरान विभिन्न खेल गतिविधियां, विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी, जिनमें युवाओं व आमजन को विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। मेले में स्वास्थ विभाग की ओर से हेल्थ कैंप का भी आयोजन किया जाएगा। कैंप में स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ विभिन्न बीमारियों से संबंधित बचाव, नशे से बचाव की जानकारी प्रदान करने के अतिरिक्त आपातकालीन स्थिति में किसी की जान बचाने के लिए सीपीआर देने से संबंधति लाइव डेमोस्ट्रेशन भी दिया जाएगा ताकि आमजन व युवाओं को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान लोगों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएगे, ताकि मेले के माध्यम से लोगों का स्वस्थ मनोरंजन भी हो सके। उन्होंने कहा कि मेले को आकर्षक बनाने के लिए मेले के दौरान अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय नलवाड़ मेले के सफल आयोजन के लिए तहसीलदार डाॅ. वरूण गुलाटी को मेला अधिकारी लगाया गया है। बैठक में तहसीलदार डाॅ. वरूण गुलाटी, ममेल पंचायत प्रधान नारायण सिंह, भडारणू पंचायत के प्रधान दलीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
मापतोल विभाग जिला कांगड़ा द्वारा देहरा वृत में बुधवार को केसों को निपटाने हेतु विभागीय समझौता किया गया । जिसमें सहायक नियंत्रक प्रिया चंदेल द्वारा कुल 19 केसों का निपटारा किया गया। यह केस मापतोल उपकरणों को सत्यापित न करवाने, कम तोलने तथा पैकेट पर अनिवार्य घोषणाएं एमआरपी या मैन्युफैक्चरिंग डेट न होने के चलते माप तोल विभाग द्वारा दर्ज किए गए थे। 19 केसों का निपटारा कर कल 45000 में जुर्माना वसूला गया। जिन भी व्यापारियों ने विभागीय समझौते में अनुपस्थित दिखाई है। उनके केस न्यायालय में प्रेषित किए जाएंगे। इस विभागीय समझौते के मौके पर निरीक्षक मापतोल देहरा वृत नीरज भारती भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर (परागपुर) स्थित वेदव्यास परिसर की एन एस एस यूनिट द्वारा स्थानीय राधा कृष्ण मंदिर के में चल रहे साप्ताहिक शिविर के दौरान बुधवार को तहसीलदार प्रागपुर चिराग शर्मा बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए।वहीं वशिष्ट अतिथि के तौर पर पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश शर्मा ने शिरकत की। एन एस एस यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी अमित वालिया व संयोजक कवि पंकज कुमार ने स्मृति चिन्ह देकर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं अपने संभाषण के दौरान तहसीलदार चिराग शर्मा ने एन एस एस यूनिट के छात्र छात्राओं को एच ए एस सहित प्रदेश की विभिन्न परीक्षाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर एन एस एस स्वयंसेवियों ने एच ए एस अधिकारी एवं तहसीलदार चिराग शर्मा से प्रदेश की विभिन्न पदों हेतु होने वाली परीक्षाओं से संबंधित कई प्रश्न पूछे। चिराग शर्मा के अनुसार किसी भी कम्पीटीटिव एग्जाम को पास करने के लिए भाग्य के साथ साथ मेहनत बहुत ही जरूरी है।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दवा निरीक्षक अर्की और पुलिस टीम कुनिहार ने कुनिहार थाना क्षेत्र की दवाइयों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के सेल और परचेज रजिस्टर की गहनता से जांच की गई। दवा विक्रेताओं को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए कि वे बिना डॉक्टर की पर्ची के कोई भी दवाई या सिरिंज न बेचें। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने दुकानों में रखी सभी दवाइयों को बारीकी से चेक किया और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी दवा बिना डॉक्टर की पर्ची के न बेची जाए। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार को रोकना और लोगों को नशे के प्रति जागरूक करना है। दवा निरीक्षक अर्की, राकेश कौशल ने कहा कि यदि कोई मेडिकल स्टोर संचालक शेड्यूल्ड दवाइयां बिना डॉक्टर की पर्ची के बेचता हुआ पकड़ा जाएगा, तो उस पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस तरह की छापेमारी लगातार की जाएगी। डीएसपी अशोक चौहान ने जनता से अपील की कि वे नशे के खिलाफ जारी इस संघर्ष में पुलिस का साथ दें और अवैध तरीके से नशा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए जनता का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मौके पर एसएचओ कुनिहार, मुकुल शर्मा और अन्य स्टाफ भी मौजूद थे।
मंगलवार को शिमला में शोघी-आंनदपुर-मैहली बाईपास पर रात सड़क हादसे में मां-बेटी समेत चार लोगों की मौत हो गई है। हादसा उस समय हुआ जब कार सवार शोघी की तरफ से मैहली आ रहा था। इसी दौरान शील गांव के पास पुल के समीप गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 100 फीट की गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान रूपा सूर्यवंशी (45) पत्नी भगवान दास, प्रगति (15) पुत्री भगवान दास, मुकुल (10) पुत्र हेतराम निवासी जानकी निवास नवबहार और जय सिंह नेगी (40) पुत्र पद्मदेव नेगी निवासी अंबिका कॉटेज ओमकार लॉज संजौली के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया कि हादसा रात करीब 8 बजे हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची लेकिन अंधेरा होने के कारण ढांक से खाई में उतरने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसे देखते हुए एसडीआरएफ और अग्निशमन के कर्मचारियों को रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। जब तक बचाव दल गहरे खाई में पहुंचा, तब तक चारों दम तोड़ चुके थे।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने विमल नेगी मौत मामले में निलंबित निदेशक देशराज की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। बुधवार को हाईकोर्ट ने यह फैसला सुनाया है। मामले में न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह की अदालत ने 24 मार्च को दोनों पक्षों को सुनने के बाद इस मामले में फैसला सुरक्षित रखा था। याचिकाकर्ता देशराज की ओर से अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई। उन्होंने अदालत से गुहार लगाई थी कि जो एफआईआर दर्ज की गई है, वह गलत है। उन्होंने अदालत से अग्रिम जमानत मांगी थी। इसी पर हाईकोर्ट ने बुधवार को अपना फैसला सुनाया, जिसमें देशराज की अंतरिम जमानत याचिका खारिज हुई है। विमल नेगी की मौत में परिजनों ने देशराज और हरीकेश मीणा सहित अन्य उच्च अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि इन अधिकारियों ने विमल नेगी को गलत काम करने के लिए उकसाया और उन पर दवाब बनाया।
ऊना नगर के संस्थापक गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा साहिब सिंह जी बेदी का पावन जन्म दिवस 26, 27 और 28 मार्च को उनके वंशजों और देश-विदेश से आए संगत के साथ हर्षोउल्लास से मनाया जा रहा है। सिख जगत के 12 मिशनों को एकत्र कर खालसा राज की स्थापना करने वाले बाबा साहिब सिंह जी का जन्म दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन वरदान से हुआ था। गुरु नानक देव जी के 9वें वंशज, बाबा कलाधारी जी, जो गुरु गोबिंद सिंह जी के समकाली थे, अक्सर संतोषगढ़ के पास गुरपलाह नामक स्थान पर गुरु साहिब से मुलाकात करते थे। यहीं गुरु साहिब ने बाबा कलाधारी जी को बाबा साहिब सिंह जी के जन्म का वरदान दिया था। बाबा साहिब सिंह जी का जन्म 1756 में डेरा बाबा नानक, जिला गुरदासपुर में हुआ था। उनके पिता बाबा अजीत सिंह जी और माता सरुपा देवी के घर में उनका जन्म हुआ। बाबा साहिब सिंह ने प्रारंभिक शिक्षा और धार्मिक संस्कार अपने पिता से प्राप्त किए, जबकि विद्वान पंडित सोमनाथ जी से भारतीय दर्शन और इतिहास की विद्या प्राप्त की। वे शास्त्र और शस्त्र विद्या में भी माहिर थे। बाबा साहिब सिंह जी बेदी जी ने युवा अवस्था में ही सिख धर्म और गुरबाणी के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभाई। 1775 में, बाबा साहिब सिंह जी ने अपनी धर्मपत्नी माता गुलाब देवी के साथ तख्त श्री आनंदपुर साहिब में अमृतपान किया और मीरी-पीरी के सिद्धांत पर राज योग कमाया। बाबा साहिब सिंह जी के तीन सुपुत्र बाबा बिशन सिंह, बाबा तेग सिंह और बाबा बिकरमा सिंह थे, जिन्होंने धर्म प्रचार में अहम योगदान दिया। उनका प्रभाव इतना था कि उन्होंने कई राजाओं के आपसी विवादों का समाधान किया और उनकी बातों को सभी ने माना। सिख सरदारों और राजाओं द्वारा बाबा साहिब सिंह जी को जागीरें भेंट की गईं। बाबा साहिब सिंह जी 117 गांवों की रियासत के मालिक थे और उनके पास 14,000 की सेना हर समय तैयार रहती थी। जब भी बाबा साहिब सिंह जी युद्ध के लिए जाते, तो अपनी सेना के साथ नगर की परिक्रमा करते थे, जो एक रक्षा कवच का प्रतीक थी। इस परिक्रमा में नगरवासी, बिना किसी जातिभेद के, शामिल होते थे और संत-फकीर भी इसका हिस्सा बनते थे। बाबा साहिब सिंह जी के जन्म दिवस के अवसर पर 27 मार्च को नगर कीर्तन और नगर की परिक्रमा की जाती है, जिससे उस याद को ताजा किया जाता है। बाबा साहिब सिंह जी ने 1801 में वैसाखी के पावन पर्व पर विभिन्न सिख धड़ों को एक निशान के तले इकठ्ठा किया और सरदार रणजीत सिंह शुकरचरिया को राज तिलक देकर "शेरे पंजाब महाराजा रणजीत सिंह" का खिताब दिया। ऊना में एतिहासिक किले की स्थापना 1784 में हुई थी, जो 117 गांवों की रियासत से संबंधित था। हालांकि, अंग्रेजों ने बाबा साहिब सिंह जी के छोटे सुपुत्र, बाबा बिकरमा सिंह जी की बगावत के कारण इन किलों को तोपों से उड़ा दिया। अब यहां पुलिस थाना है, जबकि किले के भीतर बाबा तेग सिंह जी का स्थान और लंगर स्थल मौजूद है, जहां एक दिन में 35 मण कच्चा नमक लंगर में प्रयोग किया जाता था। बाबा साहिब सिंह जी के तपस्थल और गुरुद्वारा तपोवन ऊना से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित है। वर्तमान गद्दीनशीन, बाबा सरबजोत सिंह बेदी, जो 1989 में इस दायित्व को संभाल चुके हैं, ने क्षेत्र और समुदाय के सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक जीवन में अहम योगदान दिया है। वे नगर परिषद के अध्यक्ष रहे और उनके बेटे अमरजोत सिंह बेदी भी इस पद पर रह चुके हैं। बाबा सरबजोत सिंह बेदी को उत्तरी भारत में एक सम्मानित धार्मिक शख्सियत माना जाता है। उनके नेतृत्व में ऊना में अत्यधिक विकास हुआ है और उन्होंने मंदबुद्धि बच्चों के लिए प्रेमाश्रम की स्थापना भी की। हर साल 26, 27 और 28 मार्च को बाबा सरबजोत सिंह जी बेदी के नेतृत्व में बाबा साहिब सिंह जी बेदी का जन्म उत्सव हर्षोउल्लास से मनाया जाता है।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ते राशन की दुकानों में खाद्यान्नो की गुणवत्ता पर भी कडी निगरानी रखने तथा नियमित निरीक्षण के निर्देश खाद्य आपूर्ति विभाग को दिए हैं। इस बाबत मंगलवार को उपायुक्त हेमराज बैरवा ने सार्वजनिक वितरण कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि समय पर सस्ते राशन की दुकानों पर खाद्य वस्तुएं उपलब्ध करवाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह से दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े। उपायुक्त ने कहा कि पोलिथीन के प्रयोग को लेकर भी नियमित तौर पर दुकानों की चेकिंग की जाए ताकि किसी भी स्तर पर पोलिथीन का उपयोग नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि पाॅलिथीन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि खाद्यान्न वस्तुओं की दुकानों पर रेट लिस्ट प्रदर्शित करना जरूरी है इस के लिए भी खाद्य आपूर्ति विभाग नियमित तौर पर रेट लिस्ट चेक करने के लिए कारगर कदम उठाएं।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के भारतीय ज्ञान प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 25-27 मार्च तक राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इस तीन दिवसीय कार्यशाला में कुल 12 सत्र होंगे,जिनमें भारतीय ज्ञान परंपरा के विविध विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण डीन, प्रो. रंजन त्रिपाठी रहे। उहोने अपने उद्बोधन में कहाकि भारतीय ज्ञान परंपरा न केवल प्राचीन काल में बल्कि आज भी विज्ञान, चिकित्सा, गणित और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रासंगिकता बनाए हुए है। भारत के मनीषियों का योगदान आने वाले समय में भी अमूल्य रहेगा। भारतीय ज्ञान की यह परंपरा हर पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यशाला की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति श्रीनिवास वरखेड़ी ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मप्रत्यय के युग में है और विश्व के प्रत्येक विषय को देखने के लिए भारतीय दृष्टि आवश्यक है। भारतीय ज्ञान परंपरा एकत्व का भाव समाहित करती है और इसमें समन्वय की शक्ति है। आधुनिकता के साथ समन्वय कर शास्त्रों को समाज में पुनर्स्थापित करना आवश्यक है। कार्यशाला के संयोजक डॉ. डी. दयानाथ ने बताया कि इस राष्ट्रीय कार्यशाला का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित विषयों पर गहन विमर्श करना है। भारत सदियों से ज्ञान का पर्याय रहा है, और भारतीय दर्शन, विज्ञान, गणित, साहित्य एवं अध्यात्म ने विश्व में विशिष्ट स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय ज्ञान परंपरा अखंड भारत की अवधारणा को दर्शाती है, जिसमें वेद, वेदांग, पुराण, वास्तुशास्त्र, ज्योतिषशास्त्र आदि अमूल्य ज्ञान के स्रोत हैं। वैदिक काल से ही भारतीय संस्कृति ज्ञान का केंद्र रही है, और अपनी संस्कृति का ज्ञान होना प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है क्योंकि संस्कृति से ही व्यक्ति की पहचान होती है। कार्यशाला में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों एवं आदर्श महाविद्यालयों के प्राध्यापक प्रतिभागी के रूप में भाग ले रहे हैं। संसाधकों में नवीन भट्ट (चाणक्य विश्वविद्यालय, बेंगलुरु), मुनीत धीमान (बेंगलुरु), साई सुसरल (एमआईटी, पुणे), गिरीश भट्ट (तिरुपति), जे. श्रीनिवास (हैदराबाद),केतु रामचंद्रशेखरन, शिवकुमार (इंडिका), गंटी एस. मूर्ति (आईकेएस डिवीजन, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार), वी. आदिनारायण, वरलक्ष्मी,तमिलनाडु,राघवकृष्ण (वृहत फाउंडेशन), सर्व नारायण झा (लखनऊ), भागीरथी नंद (दिल्ली) सहित कई विद्वान शामिल है। विश्वविद्यालय के अकादमिक डीन मदनमोहन झा ने अतिथियों का स्वागत किया। जानकारी हिमाचल के परागपुर (बलाहर)स्थित वेदव्यास परिसर की निदेशक सत्यम कुमारी ने बताया कि इस मौके पर कुलदीप शर्मा (विशेषाधिकारी, नियुक्ति प्रकोष्ठ) ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सत्र का संचालन डॉ. पवन व्यास ने किया। इस अवसर पर काशीनाथ न्योपाने (शोध एवं प्रकाशन विभाग के निदेशक), मधुकेश्वर भट्ट,जी सूर्यप्रसाद, अमृता कौर, यशवंत त्रिवेदी, प्रसाद भट्ट, दीपिका सहित सभी प्रतिभागी और शोध छात्र उपस्थित रहे।
मंगलवार को उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बागवानी अध्ययन मिशन के तहत जनजातीय जिला किन्नौर के पूह, कल्पा व निचार विकास खण्ड की 20 ग्रामीण महिलाओं को हरियाणा राज्य में बागवानी भ्रमण के लिए ले जा रहे वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उपायुक्त ने बताया कि जिला किन्नौर की ग्रामीण महिलाएं हरियाणा राज्य में राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान का दौरा करेंगी तथा वहां पर डेयरी की आधुनिक तकनीकों पर जानकारी प्राप्त करेंगी ताकि जिला किन्नौर में दूध उत्पादान में बढ़ौतरी दर्ज हो सके। इसके अतिरिक्त बागवानी भ्रमण में अनुसंधान केंद्र घरोण्डा में ट्रॉपिकल फल उत्पादन पर जानकारी हासिल करेंगे व हरियाणा राज्य में प्रगतिशील किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती सहित पशुधन पर ज्ञानवर्धक जानकारी प्राप्त करेंगे ताकि जिला में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को संबल मिल सके। इस अवसर पर उपनिदेशक उद्यान डॉ. भूपेंद्र सिंह नेगी, बागवानी विशेषज्ञ डॉ. शमशेर नेगी, डॉ. अजित नेगी सहित उद्यान विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
मंगलवार को शूलिनी विश्वविद्यालय में हिमाचल प्रदेश में कृषि उद्यमिता के बारे में क्षमता निर्माण और युवाओं की धारणा पर आईसीएसएसआर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन शुरू हुआ। कृषि विभाग और उद्योग विभाग के सहयोग से शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रबंधन विज्ञान संकाय (एफएमएस) और राजकीय कन्या महाविद्यालय (आरकेएमवी) शिमला, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को कृषि उद्यमिता में सशक्त बनाना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। इस सम्मलेन में हिमाचल प्रदेश के कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. रविंदर सिंह जसरोटिया मुख्य अतिथि रहे। उद्घाटन सत्र का नेतृत्व एफएमएस के अध्यक्ष और डीन मुनीश सहरावत ने किया, जिन्होंने गणमान्य व्यक्तियों का परिचय कराया और सम्मेलन का एजेंडा निर्धारित किया। आरकेएमवी की प्रिंसिपल डॉ. अनुरीता सक्सेना ने कृषि उद्यमिता में आरकेएमवी संकाय के सक्रिय शोध योगदान पर प्रकाश डाला और इस क्षेत्र में शूलिनी विश्वविद्यालय की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आरकेएमवी के 20 संकाय सदस्यों और 30 छात्रों के साथ-साथ छह उद्यमियों ने ज्ञान के आदान-प्रदान के लिए सम्मेलन में भाग लिया। मजबूत सरकारी समर्थन की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा, "हमारी रिपोर्ट सरकार को बेहतर नीतियां बनाने में मदद करेगी। उद्यमियों का समर्थन करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी एजेंसियों के बीच सहयोगात्मक प्रयास महत्वपूर्ण हैं।" उन्होंने छात्र स्टार्टअप के लिए शूलिनी विश्वविद्यालय की सलाह भी मांगी और 'हिम इरा' हिम्मतोत्सव जैसी पहलों पर प्रकाश डाला। सभा को संबोधित करते हुए, मुख्य अतिथि डॉ. जसरोटिया, जिनके पास कृषि में 26 वर्षों का अनुभव है, ने कृषि उद्देश्यों के लिए ड्रोन के उपयोग सहित नवीन कृषि तकनीकों पर जोर दिया। छात्रों को अपने ‘घर की खेती’ को लाभदायक उपक्रमों में बदलने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा, “क्षमता निर्माण भविष्य के लिए बीज बोने के बारे में है। यह मंच विचारों को कार्रवाई में बदलने में सक्षम बनाता है, और हम यहां समर्थन और सहयोग करने के लिए हैं।” चांसलर प्रो. पी.के. खोसला ने सफलता प्राप्त करने में दृढ़ संकल्प और ज्ञान की भूमिका पर जोर देकर प्रतिभागियों को प्रेरित किया। शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर विशाल आनंद ने मेहमानों का स्वागत किया और स्थायी कृषि पहलों के माध्यम से हिमालयी पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।
मंगलवार को सहायक आयुक्त सुभाष गौतम ने बताया कि टांडा फील्ड फायरिंग रेंज में भारतीय सेना द्वारा 28 मार्च को सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक फायरिंग का अभ्यास किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत कोहाला, कच्छयारी, खोली, घुरकड़ी व साथ लगते क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि इस दौरान वह फायरिंग रेंज में न स्वयं जाएं तथा अपने पालतु पशुओं को भी न जाने दें ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि से बचा जा सके।
धर्मपुर पुलिस ने गश्त के दौरान दो आरोपियों को 11 ग्राम चिटटा/हेरोइन बरामद के साथ उनके घर से गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक, गौरव (23 वर्ष) और चेतन (25 वर्ष) निवासी गांव बठोल, डाकखाना धर्मपुर, तहसील कसौली, जिला सोलन, अपने घर में चिटटा/हेरोइन बेचने का अवैध धंधा कर रहे हैं और उन्होंने अपनी निर्माणाधीन इमारत के नीचे इन नशीले पदार्थों को छिपा रखा है। सूचना मिलते ही थाना धर्मपुर की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और मौके पर छापेमारी की। इस दौरान दोनों के पास से करीब 11 ग्राम चिटटा/हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में एक अभियोग पंजीकृत कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपी गौरव के खिलाफ पहले भी थाना धर्मपुर में चिटटा तस्करी का मामला दर्ज है, जिसमें पुलिस ने उससे 7 ग्राम से अधिक चिट्टा/हेरोइन बरामद की थी। पुलिस ने अब इस मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा: कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर और राजकीय महाविद्यालय नगरोटा सूरियाँ के बीच उभरती शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञापन समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर के परिसर में संपन्न हुआ, जहां महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. उपेन्द्र शर्मा और राजकीय महाविद्यालय नगरोटा सूरियाँ के प्राचार्य प्रो. अरुण चंद्र ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य दोनों महाविद्यालयों के बीच शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान, छात्र विनिमय कार्यक्रम, संकाय विकास और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही, दोनों संस्थाओं के बीच अनुसंधान नेटवर्क को और सुदृढ़ किया जाएगा। समझौते के तहत संकाय सदस्यों का आदान-प्रदान किया जाएगा और यह तीन वर्षों तक प्रभावी रहेगा, जिसे समय-समय पर संशोधित किया जा सकता है। समझौते के कार्यान्वयन के लिए एक संयुक्त समिति गठित की जाएगी, जो दोनों संस्थाओं के अधिकारियों द्वारा निगरानी रखेगी। प्राचार्य प्रो. उपेन्द्र शर्मा और प्रो. अरुण चंद्र ने इस समझौते को दोनों महाविद्यालयों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जिससे छात्रों और शिक्षकों को नए अवसर प्राप्त होंगे और शिक्षा, विकास और शोध के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।
खुंडियां में ब्लॉक स्तरीय तकनीकी ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन 24 मार्च 2025 से 28 मार्च 2025 तक किया गया है। कार्यक्रम 24-3-2025 से 28-3-25 तक दो सत्र में चलेगा,जिसमें प्रत्येक सत्र दो दो रिसोर्स पर्सन तकनीकी शिक्षा ज्ञानवर्धन हेतु ट्रेनिंग देंगे। आज सूचना प्रौद्योगिकी का युग है, जिसका ज्ञान प्रत्येक के लिए आवश्यक है। इसका प्रचार बढ़ाने के लिए ही डाइट धर्मशाला के सौजन्य से इस तरह के कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है ताकि आने वाले विद्यार्थियों को इसका पूरा लाभ प्राप्त हो सके। कार्यशाला का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य व खण्ड परियोजना अधिकारी श्री कमलेश कुमार शर्मा जी के द्वारा किया गया। इस कार्यशाला में ब्लॉक के विभिन्न स्कूलों के लगभग चालीस अध्यापकों को सात तकनीकी शिक्षा विषय विशेषज्ञों द्वारा स्मार्ट क्लास रूम टीचिंग के लिए तैयार किया जाएगा।
मंडी में गत दिनों ढाबा मालिक पर देसी कट्टे से गोली चलाने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों का नाम आजम और अजमल है, दोनों भाई हैं और मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। आजम की उम्र करीब 20 साल और अजमल की उम्र लगभग 24 साल है। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया कट्टा पिस्टल और उनके कमरे से कारतूस भी बरामद किए हैं। यह दोनों आरोपी नेरचौक के ढांगू में एक किराए के कमरे में अपने छोटे भाई के साथ रहते थे। सभी तीनों भाई मिस्त्री हैं और एल्यूमिनियम के दरवाजे-खिड़कियां लगाने का काम करते हैं। हमले के दौरान जिन मोटरसाइकिल पर वे आए थे, वह भी पुलिस को मिल गई है। पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है। गौरतलब है कि यह हमला गत शुक्रवार रात पुलघराट में हुआ था, जब दो बाइक सवारों ने ढाबे पर आकर ढाबा संचालक पर गोली चला दी थी। इसके बाद आरोपी शातिर तरीके से अपनी बाइक पर सवार होकर सुंदरनगर की दिशा में भाग गए थे। पुलिस ने बाइक और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले की जांच के लिए एएसपी एलआर सचिन हीरेमठ की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया है और आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया है।
अत्याधुनिक शोध और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से, शूलिनी विश्वविद्यालय और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ के AWaDH (प्रौद्योगिकी नवाचार हब) ने एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य अनुवाद संबंधी शोध, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और कौशल विकास में उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करना है। एमओयू पर शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रो. प्रेम कुमार खोसला और आईआईटी रोपड़ के डॉ. पुष्पेंद्र पी. सिंह (डीन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट व परियोजना निदेशक, iHUB-AWaDH) ने हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान एक साइबर-फिजिकल सिस्टम (CPS) प्रयोगशाला स्थापित करेंगे, जो उन्नत शोध और अंतःविषय तकनीकी विकास के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करेगी। इसके अलावा, एमओयू के तहत 15 क्रेडिट का संयुक्त माइनर प्रोग्राम (AI + X) शुरू किया जाएगा, जो ‘लर्निंग बाय प्रैक्टिस’ पद्धति पर आधारित होगा और इसमें छात्रों को शूलिनी विश्वविद्यालय और आईआईटी रोपड़ से संयुक्त प्रमाणन प्राप्त होगा। इस कार्यक्रम में ‘X’ का अर्थ कृषि, जैव प्रौद्योगिकी, प्रबंधन और अन्य क्षेत्रों का अंतःविषय एकीकरण है, जिससे छात्रों को विभिन्न उद्योगों में विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस सहयोग को शिक्षा और उद्योग के बीच की खाई को पाटने वाला एक महत्वपूर्ण कदम बताया और इसे नवाचार के पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त बनाने के साथ-साथ छात्रों को भविष्य के उद्योगों के लिए आवश्यक कौशल से लैस करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। अनुमान है कि यह साझेदारी न केवल शोध क्षमताओं को मजबूत करेगी बल्कि अकादमिक और औद्योगिक संबंधों को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
केंद्रीय संस्कृत यूनिवर्सिटी के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में सोमवार को एनएसएस यूनिट के साप्ताहिक शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि गवर्नमेंट हाई स्कूल न्याड़( चिंतपूर्णी )के मुख्याध्यापक अनुराग सूद ने शिरकत की। परागपुर स्थित राधा कृष्ण मंदिर के प्रांगण में हुए इस उद्घाटन अवसर पर एन एस एस के काफी बच्चों ने भाग इस शिविर में भाग ले रहे हैं। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि ने एनएसएस के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बच्चों को कई ज्ञानवर्धक बातें बताएं व उन्हें राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत आने वाले कई कार्यों के बारे में जागरूक किया। इस अवसर पर एनएसएस यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी अमित वालिया ने एन एस एस के इस साप्ताहिक शिविर के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में छात्रों को अवगत करवाया ।वहीं इस एनएसएस इकाई के संयोजक कवि पंकज कुमार ने आए हुए मुख्य अतिथि एवं छात्र-छात्राओं का इस कैंप के उद्घाटन में शामिल होने के लिए स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि को एनएसएस यूनिट द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
अधीक्षक डाकघर देहरा मण्डल द्वारा सूचित किया जाता है कि कार्यालय अधीक्षक डाकघर देहरा मण्डल में पेंशन अदालत दिनांक 28-03-2025 को सुबह 10:00 बजे आयोजित की जाएगी। इस दिन अदालत डाक पेंशन भोगियों और फैमिली पेंशन भोगियों की पेंशन संबंधित शिकायतों को सुनेगी। यदि किसी पेंशन भोगी या फैमिली पेंशन भोगी को पेंशन से संबंधित कोई शिकायत हो, तो कृपया उसे कार्यालय अधीक्षक डाकघर देहरा मण्डल, देहरा को 27-03-2025 तक अवश्य भेजें।
कुनिहार के बालाजी बैंक्वट हॉल (नजदीक बीएसएनएल टावर ) में अत्री परिवार द्वारा सात दिवसीय श्री हनुमंत बाल अखंड कथा का आयोजन किया जा रहा है। 25 से 31 मार्च तक आयोजित की जाने वाली इस कथा का आज कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। जिसमें क्षेत्र की महिलाओं व पुरुषों ने काफी संख्या में पहुंचकर बढ़चढ़ कर भाग लिया । आयोजक सदस्य प्रधान ग्राम पंचायत हाटकोट जगदीश अत्री ने बताया कि श्री ग्यारह मुखी हनुमान जी की प्रेरणा से परम पूज्य बाल ब्रह्मचारी संत श्री रघुवंशी जी की अमृत वाणी से श्री हनुमंत बाल अखंड कथा का श्रवण करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 25से 31 मार्च तक दोपहर 1बजे से शाम 4 बजे तक प्रतिदिन कथा का समय रहेगा, तथा कथा के बाद प्रतिदिन श्रोताओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। अत्री परिवार ने सभी क्षेत्रवासियों से इस आयोजन में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की है।
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सोशल ऑर्गेनाइजेशन द्वारा डाडासीबा रेस्ट हाउस में सोमवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सभा के अध्यक्ष रजिंदर सिंह (गोगा) ने की। बैठक के दौरान कार्यक्रम से संबंधित हर पहलू पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती इस बार खंड स्तरीय डाडासीबा पेबल होटल में मनाई जाएगी। इस अवसर पर पूर्व प्रधान धर्मचंद, सेवानिवृत्त हेड मास्टर गुरदास राम, महासचिव नवजीत भाटिया, सेवानिवृत्त हेड मास्टर रतन चंद कौडल, मास्टर गुरवतन सिंह, एक्स सर्विसमैन लाजपत राय, डॉक्टर रामकृष्ण, सरदार जसविंदर सिंह, अनिल कुमार, अनूप कुमार, मास्टर यशवंत, नरेश कुमार, भजन दास, पवन कुमार, विजयपाल, होशियार सिंह, सुभाष, कैप्टन जतिंदर सिंह, गुरबचन सिंह, राम चंद और अन्य व्यक्तियों ने बैठक में भाग लिया।
ऊना पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है इसी कड़ी में आज ऊना पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ पांच अलग-अलग जगह पर सरप्राइज रेड आज सुबह की गई यह रेड पुलिस थाना हरोली और टाहलीवाल के अधीन की गई है पुलिस को इस सरप्राइस रेड में एक बड़ी सफलता भी हाथ लगी है पुलिस ने रेड के दौरान एक दुकान से तलाशी के दौरान एक देसी कटा वैपन भी मिला है पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है पुलिस के मुताबिक यह पता लगाया जाएगा कि यह देशी कटा व्यक्ति कहां से लाया था और इसका आगे कहां इस्तेमाल करना था पुलिस द्वारा इस मामले की तह तक जाया जाएगा बही पुलिस को आज एक अलग जगह पर एक बाइक भी बरामद हुई है बाइक का चेसी नंबर मिटाया गया था और उस पर टेंपरिंग की गई थी पुलिस ने इस रेड के दौरान कुछ मात्रा में भुक्की मिलने की भी जानकारी दी है पुलिस के मुताबिक वह नशे के खिलाफ, इल लीगल वैपन के खिलाफ बिना नंबर प्लेट्स वाहन और गैंगस्टर गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कारवाई करने के लिए विशेष अभियान चलाए हुए है जिसको इसी प्रकार जारी रखा जा रहा है उन्होंने कहा आजकल क्राइम की वारदात को अंजाम देने के लिए दो पहिया वाहनों का इस्तेमाल ज्यादा हो रहा है जिसके चलते वीना नंबर प्लेट्स वाले वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा और एक स्पेशल ड्राइव भी को जाएगी वहीं उन्होंने होशियारपुर और रोपड़ एसपी के साथ नशे और क्राइम की को लेकर बातचीत किए जाने की जानकारी दी है
विद्युत उपमंडल-1 धर्मशाला के सहायक अभियंता रमन भरमौरिया ने उपमंडल के अधीन आने वाले सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि अपने बिजली के बिल लंबित न रखें और इसी माह उनका भुगतान सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इस माह अंत तक बिल जमा न करने की स्थिति में बिना आगामी सूचना के नियमानुसार विद्युत कनेक्शन काट दिया जाएगा तथा मीटर का कनेक्शन दोबारा जोड़ने के लिए उपभोक्ताओं से 250 से 1500 रूपये तक वसूल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बिजली के बिल बिजली बोर्ड की वेबसाइट या किसी भी यूपीआई पेमेंट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन भी जमा करवाए जा सकते हैं।
सोमवार को ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन द्वारा पंचायत स्तर पर टास्क फोर्स के गठन सम्बन्धी दूसरे बैच के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आरम्भ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खण्ड विकास अधिकारी सोलन रमेश शर्मा ने की। रमेश शर्मा ने कहा कि आपदा के समय जानो-माल के नुकसान को न्यून करने में एक प्रशिक्षित व्यक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि यदि आपदा के समय प्रभावित क्षेत्रों के नागरिक आपदा प्रबंधन में निपुण होंगे तो आपदा से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को अचानक आई आपदा के लिए तैयार करना है। वही प्रशिक्षण में स्वयं सेवकों को प्राथमिकता चिकित्सा पेटी, सीपीआर व उपचार की विस्तृत जानकारी भी दी गई। साथ ही इस कार्यक्रम में पांच ग्राम पंचायतों के लगभग 50 लोगों ने भाग लिया।
सुनील/बिलासपुर: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने रविवार शाम नलवाड़ी मेले के समापन समारोह के बाद एम्स बिलासपुर पहुंचकर पूर्व विधायक बाबर ठाकुर पर हुए हमले में घायल पुलिस सुरक्षा अधिकारी (पीएसओ) संजीव कुमार से मुलाकात की। उन्होंने संजीव कुमार का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। डॉ. शांडिल ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों से उनके उपचार की विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि संजीव कुमार को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उनके इलाज में कोई कमी न रहे। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
आज कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने हिमाचल प्रदेश की पहली इलेक्ट्रॉनिक कूड़ा गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया। यह आयोजन शाडियाना पंचायत के थड़ी में स्थित श्री शनि देव मंदिर में हुआ। इस अवसर पर सुबाथु छावनी की अधिशाषी अधिकारी रिधीपाल भी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने पहले शनि देव की पूजा अर्चना की और फिर कूड़ा गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने आयोजित सभा में पंचायत की जनता को इस इलेक्ट्रॉनिक गाड़ी के लिए बधाई दी। यह वाहन बडीसी की निधि व 15वें वित्त से क्रय किया गया है। विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने घोषणा करते हुए बताया कि बडीसी सदस्य देवेंदर शर्मा द्वारा उठाई गई युवाओं के खेल मैदान के लिए 15 लाख रुपये और क्वारग से सुबाथु को जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, पंचायत की मांग पर पनु, क्वारग, तुनी, जोहार और गद्दो गांव की पानी की स्कीम के लिए एक स्मरसिबल पंप लगवाने की घोषणा की।
शम्मी धीमान/ इंदौरा: नशे की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए एसपी नूरपुर अशोक रतन द्वारा चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान के तहत पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत गांव छन्नी बली में छापेमारी के दौरान बलविंदर उर्फ सूरज, जो कि जिला गुरदासपुर का निवासी है, से 7.92 ग्राम हीरोइन बरामद की गई। पूछताछ में सूरज ने बताया कि उसने यह हीरोइन गांव छन्नी बेली की मुख्य तस्कर पिंकी पत्नी दिलीप कुमार से खरीदी थी। गौरतलब है कि पिंकी को पिछले साल पुलिस ने गिरफ्तार किया था, और उसके खिलाफ पहले भी कई मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। बावजूद इसके, जमानत पर छूटने के बाद पिंकी लगातार नशा तस्करी के काम में संलिप्त थी। इस मामले को लेकर पुलिस ने गृह सचिव को एक प्रस्ताव भेजा, जिस पर कार्रवाई करते हुए गृह सचिव ने नवंबर में पिंकी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत निरोध आदेश जारी करने की अनुमति दी थी। इसके बाद, शनिवार को गृह सचिव ने पिंकी के खिलाफ धारा 3(1) पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही, आरोपी पिंकी की संपत्ति की वित्तीय जांच भी शुरू की गई है, और इसके बाद संबंधित नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
चाइल्ड हेल्पलाइन कांगड़ा व पुलिस टीम ज्वालामुखी ने ज्वालामुखी मंदिर में भीख मांग रहे तीन बच्चों को रेस्क्यू किया है। चाइल्ड हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1098 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ज्वालामुखी मंदिर में बच्चे भीख मांग रहे हैं, जिससे मंदिर आने वाले श्रद्धालु परेशान हो रहे हैं। इस शिकायत के आधार पर चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट कांगड़ा की टीम, जिसमें पर्यवेक्षक रिंकल, केस वर्कर मोहन लाल और ललिता शामिल थे, ज्वालामुखी मंदिर परिसर पहुंची और भिक्षावृति रोकने के लिए अभियान शुरू किया। इस अभियान में स्थानीय पुलिस और मंदिर प्रशासन ने भी सहयोग किया। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने मंदिर परिसर, आसपास के बाजार और बस अड्डे में भीख मांगने वाले बच्चों की तलाश की। इसके साथ ही, स्थानीय दुकानदारों, श्रद्धालुओं और मंदिर स्टाफ को जागरूक किया कि वे बच्चों को भीख न दें, क्योंकि ऐसा करने से भिक्षावृति जैसी गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। इसके अलावा, लोगों को यह भी बताया गया कि अगर कोई बच्चा भीख मांगता हुआ दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर दें, ताकि बच्चे भिक्षावृति छोड़कर स्कूल जा सकें। चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक मनमोहन चौधरी ने बताया कि इस अभियान के दौरान तीन बच्चों को मंदिर परिसर में भीख मांगते हुए पाया गया। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन टीम और पुलिस ने इन बच्चों को रेस्क्यू किया और बच्चों की मां को बुलाकर भीख मंगवाने का कारण पूछा। पुलिस विभाग की ए.एस.आई. सुरिंद्रा देवी ने बच्चे की मां को समझाया और चेतावनी दी कि अगर भविष्य में वह बच्चों के साथ मंदिर में भीख मांगते हुए पाई जाती हैं, तो बच्चों को उनके हवाले नहीं किया जाएगा और मां के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद बच्चों को मां के हवाले कर दिया गया।
देहरा उपमंडल के तहत खैरियां में रविवार को कृषि सेवा सहकारी सभा समिति की वार्षिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। बैठक में समिति के एक साल के आय-व्यय, खर्च आदि के बारे में जानकारी साझा की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जसवीर सिंह गुलेरिया ने की। इस बैठक में पूर्व प्रधान रमेश बैंस, फौजा सिंह पांबडिया, कुलदीप सिंह, परमजीत सिंह, शशी देवी, मंगल सिंह बैंस, सचिव नीलाक्षी कंग, और पूर्व सचिव राज कुमार बग्गा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे। इस बैठक ने समिति के कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की, और किसानों के हित में बेहतर कदम उठाने के लिए सुझाव दिए गए।
सुनील/बिलासपुर: बिलासपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तरीय पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन जिला प्रशासन बिलासपुर एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने किया। इस अवसर पर तकनीकी की शिक्षा मंत्री राजेश धर्मानीपूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक तिलक राज, उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक, एटीडीओ (ATDO) रितेश पटियाल एवं पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के विभिन्न सदस्य— पुनीत चंदे, विशाल, अतुल खजुरिया, मनोज शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। मंत्री धनीराम शांडिल ने जानकारी दी कि बिलासपुर की बंदला धार स्थित पैराग्लाइडिंग साइट को एक्रोबेटिक उड़ानों के लिए सबसे उत्तम माना जाता है। यह प्रतियोगिता 23 मार्च से 27 मार्च तक चलेगी, जिसमें अब तक 6 देशों के पैराग्लाइडर्स सहित 70 से अधिक प्रतिभागी रजिस्टर कर चुके हैं। इनमें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मास्टर पैराग्लाइडर्स, पेशेवर खिलाड़ी एवं विभिन्न सुरक्षा बलों के सदस्य शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के आयोजन से बिलासपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी। साथ ही, यह आयोजन स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा देगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य बिलासपुर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है। इस दिशा में सरकार पहले ही गोविंद सागर झील में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का शुभारंभ कर चुकी है और जल्द ही कोलडैम में भी एडवेंचर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं और इससे बिलासपुर के पर्यटन को नई गति मिलेगी। इस आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और पर्यटन उद्योग से जुड़े व्यक्तियों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इस प्रतियोगिता से बिलासपुर में एडवेंचर टूरिज्म को नई गति मिलेगी और राज्य की पर्यटन नीति को मजबूती मिलेगी। प्रतियोगिता के सुचारू आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया गया है, और मेडिकल टीम, रेस्क्यू टीमें व अन्य व्यवस्थाएं तैनात की गई हैं। बता दे कि बिलासपुर में पहली बार इतनी बड़ी अंतरराष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले प्रदेश में बीर-बिलिंग को पैराग्लाइडिंग के लिए जाना जाता था, लेकिन अब बंदला धार भी विश्वस्तरीय पैराग्लाइडिंग साइट के रूप में उभर रही है। इस चैंपियनशिप के माध्यम से बिलासपुर को पर्यटन के वैश्विक नक्शे पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
इंदौरा में देर रात बुजुर्ग पर लोक निर्माण विभाग के SDO ने किया जानलेवा हमला, इलाके में दहशत का माहौल
शम्मी धीमान इंदौरा: इंदौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव इंदौरा के वार्ड नंबर 07 में बीती रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। देर रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति ने बुजुर्ग जगजीत सिंह (79) पर तेजधार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सुनियोजित तरीके से इस हमले को अंजाम दिया, जिसने न केवल पीड़ित परिवार, बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी रात के समय ट्रैक्टर लेकर जगजीत सिंह के घर के बाहर पहुंचा। उसने ट्रैक्टर को तेजी से चलाकर शोर मचाया और फिर अंधेरे में छिप गया। ट्रैक्टर की आवाज सुनकर जैसे ही जगजीत सिंह बाहर निकले, घात लगाए बैठे आरोपी ने तेजधार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के बाद जगजीत सिंह गंभीर हालत में जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। परिजनों ने तुरंत उन्हें सरकारी अस्पताल इंदौरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए नूरपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिवार ने उन्हें पठानकोट के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। हमलावर की पहचान वीर भूषण (55) के रूप में हुई, जो लोक निर्माण विभाग (PWD) नूरपुर में बतौर SDO कार्यरत है। चौंकाने वाली बात यह है कि वीर भूषण का आपराधिक इतिहास पुराना रहा है। कुछ दिन पहले उसने अपनी पत्नी, जो एक अध्यापिका है, पर भी जानलेवा हमला करने की कोशिश की थी, जिसके बाद वह अपने मायके में रह रही है। इतना ही नहीं, आरोपी के पिता शमशेर सिंह ने साल 2012 में अपनी पत्नी और पोती की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली थी। पुलिस की कार्रवाई और कानूनी प्रक्रियाघटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी वीर भूषण को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 333 (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना), 118(2) (जानलेवा हमला), और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया। डीएसपी इंदौरा संजीव कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को नूरपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में नूरपुर जेल भेज दिया गया है।
शिमला में एक निजी स्कूल द्वारा बच्चों को ईद के अवसर पर कुर्ता-पायजामा और टोपी पहनकर स्कूल आने का आदेश जारी किया गया है, जिसके कारण शहर में विवाद पैदा हो गया है। इसके साथ ही, बच्चों से यह भी कहा गया है कि वे टिफिन में सवइयां लेकर आएं। ईद 31 मार्च को मनाई जानी है, लेकिन स्कूल ने यह फरमान जारी किया। इस आदेश के बाद सोशल मीडिया पर हिंदू नेताओं ने स्कूल के खिलाफ अभियान चलाया है। देवभूमि संघर्ष समिति ने इस कदम का विरोध करते हुए इसे संविधान के धर्मनिरपेक्षता के सिद्धांत के खिलाफ बताया है। समिति के संयोजक भारत भूषण ने चेतावनी दी है कि अगर स्कूल ने यह आदेश वापस नहीं लिया तो स्कूल का घेराव किया जाएगा और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भारत भूषण ने इसे स्कूल की सोची-समझी साजिश करार दिया और कहा कि इस कदम से हिमाचल प्रदेश में इस्लाम को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए चेतावनी दी कि यदि स्कूल अपनी बात से पीछे नहीं हटता तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस मामले पर फिलहाल स्कूल की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
आज सोलन में मिड डे मील वर्कर्स यूनियन का जिला सम्मेलन धूमधाम से आयोजित किया गया। जिसमें जिले के 9 ब्लॉकों से लगभग 150 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में मिड डे मील वर्कर्स यूनियन की राज्य सचिव हिमी देवी, सीटू के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगत राम, और जिला सचिव मोहित वर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया। सम्मेलन में मिड डे मील वर्कर्स से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने सरकार की श्रमिक-विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए मिड डे मील कर्मियों को न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा लाभ, और नियमितीकरण जैसे अधिकार दिलाने की मांग की। सभा के अंत में यह निर्णय लिया गया कि 20 मई को सभी मिड डे मील वर्कर्स हड़ताल पर जाएंगे और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही, मिड डे मील वर्कर्स यूनियन ने सरकार से अपील की है कि वह उनकी मांगों को गंभीरता से ले, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान 25 सदस्यीय जिला कमेटी का भी गठन किया गया, जिसमें निम्नलिखित प्रमुख पदाधिकारियों का चुनाव हुआ। जिसमें निशा को जिला अध्यक्ष, सपना जिला सचिव, रीता को जिला कोषाध्यक्ष बनाया गया।
योगर्षि स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण जी की उपस्थिति में उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पतंजलि विश्वविद्यालय, हरिद्वार में आयोजित "संस्कृतशास्त्र उत्सव" में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर, बलाहर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में दिव्यश्री मिश्रा ने गोल्ड, प्रीति ने रजत, और ओङ्कार शर्मा ने कांस्य पदक प्राप्त किया, जिससे उन्होंने हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इसके साथ ही, इन छात्रों को हजारों रूपये की नगद धनराशि भी प्रदान की गई। यह प्रतिस्पर्धा 18 से 21 मार्च 2025 तक चार दिन चली, जिसमें देशभर के 26 राज्यों ने भाग लिया। इन छात्रों के मार्गदर्शक बी.एड. विभाग के शिक्षक डॉ. पुरुषोत्तम और प्रियाङ्का चन्द्र ने बताया कि यह एक महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित प्रतियोगिता थी। इस उपलब्धि पर केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी, सहनिदेशक प्रो. मञ्जुनाथ एस. जी., और समस्त आचार्यगणों ने विजेता छात्रों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।
हिमाचल प्रदेश में एक और बड़ा वित्तीय घोटाला सामने आया है, जिसमें ह्यूमन वेलफेयर क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसायटी ने पिछले नौ सालों में 200 करोड़ रुपये की ठगी की। यह सोसायटी केंद्र सरकार के नियमों के तहत खोली गई थी, लेकिन दुर्भाग्यवश राज्य सरकार का इस पर कोई नियंत्रण नहीं था। अचरज की बात यह है कि यह सोसायटी दो महीने पहले तक पूरी तरह से सही तरीके से काम कर रही थी, लेकिन अचानक इसका पोर्टल बंद हो गया, जिससे निवेशक और एजेंट दोनों ही हैरान और परेशान हो गए हैं। अब उनकी मेहनत की कमाई संकट में फंसी हुई है। निवेशकों का कहना है कि उन्हें आकर्षक ब्याज दरों के आकर्षक ऑफर मिले थे, जिनकी वजह से उन्होंने अपनी जमापूंजी इस सोसायटी में निवेश की। लेकिन अब उन सभी का पैसा खतरे में पड़ गया है। जब यह घोटाला सामने आया, तो पीड़ित निवेशक एडीसी सोलन से मिले और अपनी परेशानी साझा की, साथ ही सरकार से मदद की गुहार भी लगाई। फर्जीवाड़े का खुलासा सोसायटी ने हिमाचल प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में 37 सुविधा केंद्र खोले थे, जिनके माध्यम से निवेशकों को लुभावने ऑफर दिए गए थे। इन केंद्रों ने ऊंची ब्याज दरों के आकर्षण में फंसाकर लोगों से बड़े पैमाने पर पैसे इकट्ठे किए। सोलन और अन्य जिलों में दर्जनों एजेंट भी इस फर्जीवाड़े का हिस्सा बने। अब वे भी डर के साये में हैं, क्योंकि जिन निवेशकों ने उनके जरिए पैसा लगाया था, वे अब उनके पीछे पड़ गए हैं। निवेशकों की बढ़ती चिंता इस घटना के बाद निवेशक और एजेंट दोनों ही भारी मानसिक दबाव में हैं। जहां निवेशक अपनी रकम की वापसी को लेकर चिंतित हैं, वहीं एजेंटों को डर है कि लोग उनके ऊपर आरोप न लगा दें। इसके अलावा, वे भी परेशान हैं कि इस ठगी के लिए उन्हें कैसे जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
हमीरपुर जिला मुख्यालय में लोकल दूध का सैंपल फेल हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मोबाइल वैन में सैंपल की जांच की गई तो दूध में कैल्शियम की जगह अधिक मात्रा में यूरिया तत्व पाए गए हैं, जो कि स्वास्थ्य के लिए बेहद घातक हैं। विभाग द्वारा लिए गए एक लोकल दूध के सैंपल में कैल्शियम के बजाय 7.47 प्रतिशत यूरिया पाया गया है। यह पहली बार है जब हमीरपुर जिले में लोकल दूध के सैंपल में यूरिया के तत्व पाए गए हैं, जिससे लोगों में घबराहट और चिंता फैल गई है। इस परीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि दूध में यूरिया का कारण मिलावट नहीं है, बल्कि यह यूरिया गाय के चारे में शामिल हो सकता है, जिससे यह दूध में पहुंच गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया और विभाग के अधिकारियों का कहना है कि चारा में यूरिया मिलाने से यह समस्या उत्पन्न हो सकती है, जिसे पशुपालकों को नियंत्रित करने की आवश्यकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त, अनिल शर्मा ने बताया कि विभाग इस समय पूरी तरह से सतर्क हो गया है और जिले भर से गाय और भैंस के दूध के सैंपल एकत्रित किए जाएंगे ताकि दूध की गुणवत्ता की जांच की जा सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके। विभाग ने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों में जिले से 15 दूध के सैंपल एकत्र किए गए थे, जिनमें से एक सैंपल फेल पाया गया है। इस सैंपल को एक व्यक्ति ने दूध की गुणवत्ता की जांच के लिए लाया था, क्योंकि उसे स्थानीय गाय पालक से प्राप्त दूध की गुणवत्ता पर संदेह था। जांच के दौरान यह पाया गया कि दूध में यूरिया की अधिक मात्रा थी, जो आश्चर्यजनक था। इस घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने निर्णय लिया है कि अब पूरे जिले में गाय और भैंस के दूध के सैंपल लिए जाएंगे ताकि दूध की गुणवत्ता की गहनता से जांच की जा सके और जनता के स्वास्थ्य के साथ कोई समझौता न हो। खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, मधुबाला ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि विभाग पहले पैक्ड दूध के सैंपल पर ध्यान दे रहा था, लेकिन अब लोकल दूध में यूरिया पाए जाने के बाद पूरी प्रक्रिया को और सख्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग अब पूरे जिले में दूध की गुणवत्ता जांचने के लिए हर संभव कदम उठाएगा। इसके अलावा, उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें दूध में मिलावट या गुणवत्ता के बारे में कोई संदेह हो, तो वे तुरंत विभाग से संपर्क करें ताकि जल्द से जल्द कार्रवाई की जा सके।
राजकीय महाविद्यालय देहरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश सोनी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे प्रो. सतीश चन्दर शर्मा (सेवानिवृत उच्च शिक्षा के संयुक्त निदेशक), जिन्होंने छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए सत्र 2024-25 के पुरस्कार वितरित किए। वार्षिक परिणाम में कला संकाय और वाणिज्य संकाय में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कला संकाय में अनुष्का और दिव्यांशु ने प्रथम स्थान, सीमा, पूनम और कनिका ने द्वितीय स्थान, जबकि मुस्कान और मन्नत ने तृतीय स्थान हासिल किया। वाणिज्य संकाय में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। साक्षी, महक, हर्षिता, छवि, शिवानी, पालक, सुमिता, अंशुल, प्रियांशु, नीलाक्षी, नदिनी, तनुजा, शिखा, नेहा, रूचि, प्रीती, अंकित, सेजल, वैशाली, दिव्यांशु, शुभम, अंश, दीपक, अमन, अंशज, मोनिका, ज्योति, आशु, रीना, अमीषा, पायल, कनिका, पीयूष, सुमित, मनीष, मुस्कान समेत अन्य विद्यार्थियों को पुरस्कार से नवाजा गया। समारोह में राजकीय महाविद्यालय धनेटा, ढलियारा, हरीपुर गुलेर, हमीरपुर, डाडा सीबा के प्राचार्य और आचार्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रो. मोनिका शर्मा ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक प्रो. मोनिका, प्रो. निशा, डॉ. परवीन, डॉ. मंजू, प्रो. शिवानी, ब्रिज बाला, और गैर शिक्षक वर्ग से अशोक, मुनीश, सावित्री, कश्मीर, जीवन, और सुंदर्शना भी उपस्थित रहे। इस समारोह ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को उनकी मेहनत और समर्पण के लिए सम्मानित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
शुक्रवार को सेवानिवृत्त पैरामिलिट्री कल्याण संगठन पालमपुर की कार्यकारिणी सदस्य बलिदानी सुनील कुमार लदोहिया के परिवार से मुलाकात की गई। सुनील कुमार की बुजुर्ग माता, बिमला देवी ने बताया कि सुनील उनका इकलौता बेटा था और वह बीएसएफ में भर्ती था। 27 अगस्त 1989 को पंजाब में आतंकवादी विरोधी अभियान के दौरान उनके बेटे का निधन हो गया था। इस दुखद समाचार से बेशक उन्हें अवगत कराया गया था, लेकिन बेटे के अंतिम दर्शन उन्हें कभी नहीं हो पाए। सुनील के पिता, बिहारी लाल लोहिया इस दर्दनाक घटना को सहन नहीं कर पाए और कुछ ही महीनों बाद, 1990 की शुरुआत में उनका भी निधन हो गया। पति की मृत्यु के बाद बिमला देवी पूरी तरह से असहाय हो गईं, लेकिन समय के साथ उन्हें पैशन मिलने लगी, जिससे वह अपने घर का खर्चा चला सकीं और अपनी तीन बेटियों की शादी कर सकीं। वर्तमान में, बिमला देवी के साथ उनकी एक विधवा बेटी रहती है, जो अपनी मां की देखभाल करती है। बिमला देवी ने सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी दिल में एक आखिरी तमन्ना है कि उनके बेटे के बलिदान को सम्मानित करने के लिए गांव में उनकी याद में एक प्रतिमा, गेट या सड़क का निर्माण हो। पैरामिलिट्री कल्याण संगठन के अध्यक्ष सीएस खरवाल, उपाध्यक्ष के एल मनकोटिया, सलाहकार डी आर शर्मा और प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता मनवीर चन्द कटोच ने शासन एवं प्रशासन से आग्रह किया है कि बलिदानी सुनील कुमार के परिवार के मनोबल को देखते हुए, उन्हें उचित सम्मान प्रदान किया जाए। इसके साथ ही यह निर्माण गांव में नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
काँगड़ा: शिक्षा खंड लंबागांव समग्र शिक्षा के अंतर्गत जिला स्तरीय प्री प्राइमरी अध्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन दिनांक 18 मार्च से 22 मार्च 2025 तक किया गया। जिसमें जिला के चार शिक्षा खंड बैजनाथ, चढियार, थुरल लंबागांव के प्री प्राइमरी कक्षाओं को पढ़ा रहे लगभग 160 अध्यापकों ने भाग लिया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्री-प्राइमरी स्तर के शिक्षकों की क्षमता और कौशल बढ़ाना होता है ताकि वे प्री प्राइमरी पाठशाला में पढ़ रहे बच्चों को बेहतर ढंग से पढ़ सके और उनके सर्वांगीण विकास में मदद कर सकें। इस कार्यशाला के समापन में खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी श्यामलाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे तथा इस कार्यशाला का विधिवत रूप से समापन किया। पांच दिवसीय इस कार्यशाला में मुख्य वक्ता दिनेश राणा, मोहिंदर कुमार, अमित वालिया रजनी धीमान ने प्री प्राइमरी के बच्चों के भावी विकास शारीरिक, बौद्धिक, सामाजिक, भावनात्मक एवं रचनात्मक विकास की जानकारी उपलब्ध करवाई। सभी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अध्यापकों को बीआरसीसी कार्यालय समग्र शिक्षा लंबागांव द्वारा प्रशिक्षित पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यशाला के सफल आयोजन में बीआरसीसी कार्यालय लंबागांव समग्र शिक्षा के कर्मचारी कुलदीप मरैना, राहुल शर्मा, रिंकू राम, लक्की कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई।
कुनिहार:-पूर्व सैनिक कुनिहार इकाई की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार 28 मार्च को इकाई अध्यक्ष कैप्टन रणधीर सिंह कंवर की अध्यक्षता में( नजदीक सिविल अस्पताल) चौधरी कॉम्प्लेक्स कुनिहार में आयोजित की जाएगी। जानकारी देते हुए इकाई अध्यक्ष ने बताया कि यह बैठक शुक्रवार 28 मार्च को प्रातः ठीक 11बजे आरंभ होगी जिसमें सैनिक कल्याण जिला सोलन के उप निदेशक कर्नल सुरेश कुमार अग्निहोत्री मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित होंगे। उन्होंने बताया कि इसी दिन एक मैडिकल शिविर भी लगाया जाएगा जिसमें स्वास्थ्य जांच करवा सकते है। इकाई अध्यक्ष ने लीग के सभी पूर्व सैनिकों,युद्ध विधवाओं,वीर नारी बहनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस बैठक में भाग लेकर उप निदेशक द्वारा दी जाने वाली केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। तथा मैडिकल शिविर का लाभ उठाएं।
कुनिहार:- हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड ने ग्राम पंचायत कुनिहार में पंचायत प्रधान राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया। भवन एवं निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड सोलन के सौजन्य से विभाग की ओर से मोटिवेटर मोहन चौहान नें 90 दिन पूर्ण कर चुके मनरेगा कामगारों के लिए हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जिसमें कामगार के बच्चों की शादी हेतु 51000 हजार रुपए का अनुदान, बच्चों की पढ़ाई हेतु 8400 से 120000 तक़ आर्थिक सहायता। महिला लाभार्थी को प्रसव अवधि में 25000 की आर्थिक सहायता, 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर कामगार को न्यूनतम पेंशन 1000 प्रति माह। बेटी जन्म उपहार योजना के अंतर्गत 51000 की आर्थिक सहायता व कामगार बोर्ड की अन्य योजनाओं के बारे लोगों को जागरूक किया गया। शिविर में बताया गया कि प्रत्येक कामगार को प्रतिवर्ष ग्राम पंचायत में मनरेगा व अन्य योजनाओं में 90 दिन कार्य करना अनिवार्य होगा। ग्राम पंचायत कुनिहार में 90 कार्य दिवस पूर्ण कर चुके 10 कामगारों का पंजीकरण, 20 का रिन्यूवल व 11 कामगारों के सहायता राशि हेतु फॉर्म एकत्रित किए गए। उन्होंने बताया कि सोलन जोन से कामगार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत 15 हजार से ज्यादा लोग पंजीकृत हैं। जबकि बहुत से श्रमिक अभी भी पंजीकृत नहीं हुए हैं। प्रदेश में कोई भी महिला या पुरुष एक वर्ष में 90 दिन तक अगर निजी निर्माण कार्य, मनरेगा या सरकार अथवा पंचायत की ओर से निर्माण के कार्यों में शामिल है तो वह कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण करवा सकते हैं। पात्र लोगों को विभाग की सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक होना होगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों पर हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ताकि कामगारों की समस्याओं को समझा जा सके। कामगारों को अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए कार्य किया जा सके। जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त विभाग की योजनाओं का लाभ लोगों को घर द्वार उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास करें। इस अवसर पर उन्होंने आह्वान किया कि पात्र लोग पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि बोर्ड श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उनके उत्थान के लिए विभिन्न योजनाओं का सफलतापूर्वक कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। इस शिविर में कामगार कल्याण बोर्ड सोलन से श्रम कल्याण अधिकारी ललित शर्मा, हरि चन्द, उप प्रधान हरिदास, वार्ड सदस्य पवन कुमार सहित लगभग 110 लोगों नें भाग लिया।
दयानंद आदर्श विद्यालय सोलन में आज शहीदी दिवस के अवसर पर भारत माता के वीर सपूतों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक प्रेरक और भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने इन अमर क्रांतिकारियों के बलिदान की गौरव गाथा को साझा करते हुए कहा कि आज से लगभग 93 वर्ष पहले, 23 मार्च 1931 को इन तीनों देशभक्तों ने ब्रिटिश हुकूमत की क्रूर यातनाओं को सहते हुए हंसते-हंसते फांसी के फंदे को गले लगाया और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। उनके इस सर्वोच्च बलिदान ने स्वतंत्रता संग्राम में एक नई ज्योति प्रज्वलित की थी। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से सराबोर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। अनुराधा के मार्गदर्शन में प्रथम कक्षा के नन्हे-मुन्नों ने 'आजादी के परवाने' नाटक की शानदार प्रस्तुति दी, जो दर्शकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी। वहीं, रीटा के निर्देशन में के.जी. कक्षा के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया। डायरेक्टर बीना कौशिक के मार्गदर्शन में शहीदों की जीवनी पर आधारित एक लघु नाटिका का मंचन किया गया, जिसने दर्शकों की आंखें नम कर दीं और उनके बलिदान की गहराई को जीवंत कर दिया। संगीत शिक्षक संतोष ने अपनी मधुर आवाज में देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को और अधिक जोशपूर्ण बना दिया। इसके साथ ही, डांस कोरियोग्राफर संजू के निर्देशन में प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और राष्ट्रप्रेम की भावना को हृदय तक पहुंचा दिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्रों और शिक्षकों ने एक स्वर में देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा प्रांगण 'भारत माता की जय" के उद्घोष से गूंज उठा।
कांगड़ा: जिलाधीश कांगड़ा हेमराज बैरवा ने एसडीएम देहरा शिल्पी बेक्टा और तहसीलदार रक्कड़ के साथ मिलकर विकास खंड प्रागपुर की ग्राम पंचायत कुहना में विश्व पूजिता ग्राम संगठन चमेटी का औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण मिशन धन्वंतरि के तहत किया गया, जिसमें राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) की ग्रामीण महिलाओं द्वारा तुलसी की खेती और उसके मूल्य संवर्धन के पहले आदर्श मॉडल की आधारभूत संरचना तैयार की जा रही है। इस परियोजना में आयुष विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, वन विभाग के साथ-साथ RIISM-NMPB NR 1 और CSIR IHBT भी सहयोग कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधीश ने संगठन की गतिविधियों का जायजा लिया और आयुष विभाग द्वारा जारी की गई राशि से विकास खंड प्रागपुर के तहत बनाए जा रहे भवन का अवलोकन किया। भवन निर्माण में पाई गई कमियों को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर इन कमियों को दूर करने के स्पष्ट निर्देश दिए। इसके साथ ही, उन्होंने ग्राम पंचायत कुहना में कम से कम 100 कनाल भूमि पर मनरेगा योजना के तहत औषधीय खेती शुरू करने के लिए भी निर्देश जारी किए। इस अवसर पर ब्लॉक प्रागपुर और ग्राम पंचायत कुहना के पदाधिकारी व कर्मचारी, विश्व पूजिता ग्राम संगठन के सक्रिय सदस्य, और आयुष विभाग के जिला नोडल अधिकारी भी मौजूद रहे।
देहरा उपमंडल के तहत हरिपुर और गुलेर में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य सुरक्षा और लाइसेंसिंग के बारे में जागरूक करने के लिए एक खाद्य सुरक्षा शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में खाद्य व्यवसाय संचालकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को खाद्य सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं, जिनमें खाद्य लाइसेंसिंग, खाद्य सुरक्षा मानक और खाद्य व्यवसायों में स्वच्छता और सुरक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ सावित्री ठाकुर, सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा), कांगड़ा जिला ने खाद्य व्यवसाय संचालकों को उचित खाद्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया। डॉ अभिषेक ठाकुर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, कांगड़ा जिला ने भी प्रतिभागियों को संबोधित किया और खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के बारे में समझाया। यह शिविर विभाग के खाद्य सुरक्षा के बारे में जागरूकता पैदा करने और यह सुनिश्चित करने के प्रयासों के तहत आयोजित किया गया था कि जिले के खाद्य व्यवसाय संचालक प्रासंगिक कानूनों और विनियमों का पालन कर रहे हैं। यह जानकारी व्यापार मंडल प्रधान अतुल महाजन ने दी।
मंडी,(21 मार्च 2025): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पुलघराट में बीती शुक्रवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात बाइक सवार युवकों ने एक ढाबा संचालक पर गोली चला दी और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। इस हमले में ढाबा संचालक बाल-बाल बच गया, जब गोली उसके गाल को छूती हुई निकल गई। बताया जा रहा है कि घायल संचालक को इलाज के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात को पुलघराट स्थित ढाबे पर कुछ बाइक सवार युवक खाना पैक करवाने के बहाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ढाबा संचालक से नकदी छीन ली और वहां रखी एलईडी भी अपने साथ ले गए। जब संचालक ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली जानलेवा साबित नहीं हुई और संचालक की जान बच गई। मंडी की पुलिस अधीक्षक (एसपी) साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बाइक का नंबर ट्रेस करने में जुटी है और आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। जयराम ठाकुर ने की ढाबा संचालक से फ़ोन पर बात नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने घायल ढाबा संचालक से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के तत्वाधान में परागपुर के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में आगामी सोमवार से सात दिवसीय आवासीय शिविर का आयोजन किया जाएगा। सीएसयू के एन एस एस इकाई द्वारा लगाए जाने वाले इस शिविर को लेकर शुक्रवार को परिसर के संगोष्ठी कक्ष में समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। जिसमें इस शिवर को लेकर अहम निर्णय लिए गए। परिसर की एनएसएस यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी अमित वालिया व संयोजक कवि पंकज कुमार ने बताया कि इस शिविर के दौरान राष्ट्रीय स्वयं सेवियों को स्वयं काम करने और अपने आस पास की सफाई व्यवस्था को चुस्त दुरुस्त करने हेतु टिप्स दिए जाएंगे।वहीं शिविर के दौरान क्षेत्र के कई स्थानों में जाकर एन एस एस के सदस्य सफाई व्यवस्था के प्रति स्थानीय लोगों को जागरूक भी करेंगे। शुक्रवार को हुई मीटिंग के दौरान एन एस एस यूनिट के कार्यक्रम अधिकारी अमित वालिया,संयोजक कवि पंकज कुमार सहित समिति के सदस्य डॉ विनोद शर्मा, डॉ संतोष गोडरा, डॉ भूपेंद्र ओझा आदि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रधान सलाहकार गोकुल बुटेल ने वीरवार को पंजाब विश्वविद्यालय, चण्डीगढ़ में हिमाचल स्टुडेंट यूनियन द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘झनकार हिमोत्सव-हिमाचल एक झलक’ को सम्बोधित करते हुए कहा कि हिमाचल के युवाओं को अपने परिश्रम, कार्यकुशलता और समर्पण के लिए जाना जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि जीवन में परिश्रम से कभी घबराएं नहीं और हिमाचलियत को सदैव जीवंत बनाए रखें। उन्होंने आशा जताई कि हिमाचल के छात्र शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों में सदैव अग्रणी रहेंगे। इस अवसर पर हिमाचल पुलिस बैंड हारमनी ऑफ द पाइन्स द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम को विशेष रूप से सराहा गया। हिमाचल प्रदेश के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में हिमाचल प्रदेश के चण्डीगढ़ में शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थी इस अवसर पर उपस्थित थे।
ऊना/ममता भनोट और लक्की: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस एवं एंटी करप्शन विभाग ने जिला श्रम अधिकारी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र के एक लेबर ठेकेदार की शिकायत पर की गई। जानकारी के अनुसार, लेबर ठेकेदार अपने लाइसेंस का नवीनीकरण करवाना चाहता था, लेकिन श्रम अधिकारी ने इसके एवज में घूस की मांग की। ठेकेदार ने मामले की शिकायत विजिलेंस विभाग को दी, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया। आज जब श्रम अधिकारी ने ठेकेदार से रिश्वत की रकम स्वीकार की, तभी पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, आरोपी के ठिकानों और बैंक खातों की भी जांच की जाएगी, ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं पहले भी इस तरह के भ्रष्टाचार में उसकी संलिप्तता तो नहीं रही। एक वरिष्ठ श्रम अधिकारी के रिश्वतखोरी में पकड़े जाने से पूरे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। यह मामला सिर्फ एक अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक व्यापक जांच की जरूरत को भी दर्शाता है कि कहीं अन्य अधिकारी भी इसी तरह भ्रष्टाचार में लिप्त तो नहीं हैं।


















































