करसोग क्षेत्र में जितने भी बाहरी राज्य से आए हुए कामगार ,मजदूर फेरी वाले वह अन्य दूसरे लोग जो यहां पर काम कर रहे हैं, और जिन्होंने अभी करसोग थाने में अपने नाम को पते का ब्यौरा नहीं दिया है वे तुरंत करसोग थाने में आकर अपने नाम व पते का ब्योरा दे दें। करसोग में कुछ स्थानीय लोगों ने मीडिया को जानकारी दी कि उनके द्वारा कुछ बाहरी राज्यों से आए एक लोगों को थाने में प्रवेश को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हमने अभी कोई भी थाने में जाकर अपने नाम व पते का ब्यौरा नहीं दिया है उसके पश्चात स्थानीय लोगों ने पुलिस व प्रशासन से मांग की कि जो बिना अपना नाम व पते का ब्यौरा देकर करसोग में काम कर रहे हैं या सामान बेच रहे हैं ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं शुक्रवार को थाना प्रभारी करसोग मोहन जोशी ने मिडिया को जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल कुछ एक लोगों के नाम व पते का विवरण दर्ज किया गया है वहीं जिन्होंने अभी नहीं किया है उनसे हम अपील करते हैं कि वह जल्द ही करसोग थाने में आकर अपना नाम दर्ज करवा ले। साथ ही उन्होंने कहा कि जो मकान मालिक अपने घर में जिन लोगों को किराए में ठहरा रहे हैं वह भी सुनिश्चित करें कि जो उनके वहां पर लोग रह रहे हैं यदि उन्होंने थाने में अपना ब्यौरा नहीं दिया है तो वह जल्द ही दे। वहीं उन्होंने कहा है कि अगर इस तरह के कोई लोग पाए जाते हैं तो उसमें, जिनके मकान में वह रह रहे हैं उसे मकान मालिक पर भी कार्यवाही की जा सकती है। वहीं स्थानीय लोगों ने कहा कि कुछ दिन पूर्व सोशल मीडिया पर एक पोस्ट देखी गई है जो बहुत वायरल हो रही है, जिसमें की करसोग के साथ लगते क्षेत्र में ही एक फेरी वाले ने किसी के घर में चोरी की है,जिसको कि उक्त परिवार ढूंढ रहा है इसी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इस तरह की मांग की है ताकि करसोग में किसी तरह की कोई गलत घटना ना हो इसलिए बाहरी क्षेत्र से आए हुए लोगों का यहां पर पंजीकरण होना बहुत आवश्यक है।
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की मलाणा घाटी में भारी बारिश के कारण डैम फटने से जहां सड़क मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, मलाणा गांव जाने का रास्ता भी बुरी तरह से खराब हो गया। ऐसे में अब भुंतर से एक हेलीकॉप्टर राशन लेकर मलाणा गांव की ओर रवाना हुआ। इस दौरान सीपीएस सुंदर ठाकुर और एसडीएम विकास शुक्ला भी हेलीकाप्टर में मौजूद रहे। ऐतिहासिक गांव मलाणा में राशन की किल्लत से जूझ रहे लोगों को अब इससे राहत मिलने वाली है। हेलीकॉप्टर में मलाणा के लिए आटा, चावल और तेल सहित अन्य खाद्य पदार्थ भेज दिया गया है। करीब 2,500 की आबादी वाला मलाणा दो सप्ताह से देश-दुनिया से कटा हुआ है। बादल फटने के बाद सड़क बुरी तरह से क्षतिग्रस्त है। ऐसे में लोगों को जान जोखिम में डालकर पहाड़ी रास्ते से होकर आवाजाही करनी पड़ रही है। गांव में राशन का स्टॉक समाप्त है। बीते दिन वीरवार से गांव में मेला भी शुरू हो गया है, ऐसे में ग्रामीणों के सामने मुश्किल यह है कि वे मेहमानों को क्या खिलाएंगे? इसके अलावा सड़क बहाल होने में छह माह का समय भी लग सकता है। हेलिकॉप्टर से राशन गांव में पहुंच सके, इसके लिए ग्रामीण स्वयं ही बिना किसी मशीनरी के हेलीपैड का निर्माण कर रहे हैं। पूरे मलाणा के लोग हेलीपैड तैयार करने में सहयोग कर रहे हैं। सामूहिक भागीदारी से बनाए इस हेलीपैड में अब हेलीकॉप्टर को उतारा जाएगा।
** शीशा तोड़ा, बाइक सवार दोनो शातिर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा की गाड़ी पर अज्ञात बाइक सवारों ने रॉड से हमला किया है। वारदात गुरुवार शाम की बताई जा रही है, जब विधायक पंजाब के जालंधर से लौट रहे थे। इस दौरान होशियार शहर पार करने के बाद दो बाइक सवारों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और पिछले शीशे में रॉड से वार किया। इससे उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया। विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि मामले को लेकर होशियारपुर पुलिस को शिकायत दी है। जानकारी के मुताबिक कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा गुरुवार शाम पंजाब के जालंधर से अपने विधानसभा क्षेत्र लौट रहे थे। होशियारपुर शहर को पार करते ही ग्रामीण इलाका शुरू हो जाता है। सूनसान रास्ते में बाइक सवार दो लोगों ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। मौका पाकर बाइक सवारों ने एक रॉड गाड़ी के पिछले शीशे पर दे मारी। इसके बाद विधायक के चालक ने काफी दूर तक शातिरों का पीछा किया। लेकिन दोनों चकमा देकर फरार हो गए। विवेक शर्मा ने होशियारपुर पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। विवेक शर्मा ने कहा कि हमले में गाड़ी को कुछ नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि होशियापुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में बारिश का कहर जारी है। प्रदेश किन्नौर जिले के निगुलसरी में गुरुवार देर शाम को चलती कार पर पत्थर गिर गए। हादसे में तीन लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। बीते कई दिनों से निगुलसरी में एनएच पांच पर सफर जोखिम भरा बना हुआ है। यहां पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। बीते दिनों भी हाईवे भूस्खलन के कारण बाधित रहा।
अटल बिहारी वाजपेयी वो महान हस्ती जिन्हें एक बार नहीं बल्कि तीन बार भारत के प्रधानमंत्री होने का गौरव प्राप्त हुआ। अटल का साहित्य से लगाव जग ज़ाहिर था, वे उन विरले नेताओं में से थे, जिनका महज साहित्य में झुकाव भर नहीं था, बल्कि वे खुद लिखते भी थे। उनकी कविताएं आज भी पढ़ी जाती है। अटल विविध मंचों से और यहां तक कि संसद में भी अपनी कविताओं का सस्वर पाठ करते थे। एक बार जब अटल अपने मनाली वाले घर में छुट्टियां मनाने आए तो ख़राब सड़कें देख उन्हें बहुत निराशा हुई। उन्हें मनाली पहुँचने में खासी दिक्क्तों का सामना भी करना पड़ा, साथ ही मनाली में उस समय बिजली और नेटवर्क को लेकर भी बहुत सी समस्याएं थी। उस समय हिमाचल प्रदेश में वीरभद्र सिंह की सरकार थी। तो मनाली के खस्ता हालात को देख अटल ने वीरभद्र पर तंज कस्ते हुए बड़े हलके फुल्के अंदाज़ में एक कविता लिख डाली और इसी कविता के माध्यम से खालिस्तानियों का ज़िक्र भी कर डाला। पढ़िए वो कविता : मनाली मत जइयो मनाली मत जइयो, गोरी राजा के राज में। जइयो तो जइयो, उड़िके मत जइयो, अधर में लटकीहौ, वायुदूत के जहाज़ में। जइयो तो जइयो, सन्देसा न पइयो, टेलिफोन बिगड़े हैं, मिर्धा महाराज में। जइयो तो जइयो, मशाल ले के जइयो, बिजुरी भइ बैरिन अंधेरिया रात में। जइयो तो जइयो, त्रिशूल बांध जइयो, मिलेंगे ख़ालिस्तानी, राजीव के राज में। मनाली तो जइहो। सुरग सुख पइहों। दुख नीको लागे, मोहे राजा के राज में।
अटल बिहारी वाजपेयी बेशक पूरे देश के लिए प्रधानमंत्री थे, लेकिन हिमाचल में अभिभावक की तरह रहे है। यही वजह है कि सक्रिय राजनीतिक छोड़ने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री ने कुल्लू के प्रीणी को अपना घर बनाया। वह ज़्यादातर समय यही पर ही रहना पसंद करते थे। उन्होंने हिमाचल के सौंदर्य और बर्फ से लदी पहाड़ियों पर कविताएं भी लिखी हैं। अटल बिहारी वाजपेयी की बेटी की शादी मनाली में होने के बाद उनका नाता मनाली से भी जुड़ गया। उनके दामाद रंजन भट्टाचार्य हिमाचली हैं। इसकी वजह ये है कि रंजन के माता- पिता डाक्टर होने के कारण कई साल हिमाचल में रहे। प्रधानमंत्री बनने के बाद वह पहली बार कुल्लू आए। ढालपुर में हुई रैली में वाजपेयी ने हिमाचल को 100 करोड़ की स्पेशल ग्रांट घोषित की थी। अटल जी भले ही आज हमारे बीच में न हों लेकिन उनकी पुण्यतिथि पर कुल्लू मनाली के लोगों ने जहां उन्हें श्रद्धांजलि देकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए, वहीं अपनी यादें भी सांझा की। कुल्लू-मनाली में जब वो मंजर देख अटल की आंखों में आ गए थे आंसू पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को अपने दूसरे घर प्रीणी (मनाली) से इतना प्यार रहा है कि वे यहां के लोगों की खुशी में खुश और उनके दुख में आंसू तक बहाते रहे हैं। 1995 में कुल्लू-मनाली में कुदरती कहर बरपा। चारों ओर तबाही मच गई। घर, खेत-खलिहान सब उजड़ गए। यह मंजर देखकर अटल की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने प्रभावित गांवों का पैदल दौरा किया और उनका दुख दर्द साँझा किया।
हिमाचल प्रदेश में बारिश से जगह-जगह भूस्खलन से एक नेशनल हाईवे व 116 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित है। आज सुबह 10:00 बजे तक राज्य में 21 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप रहे। राज्य में 11 जल आपूर्ति योजनाएं गाद आने से प्रभावित चल रही हैं। शिमला, मंडी, कुल्लू व कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा सेवाएं प्रभावित है। लोक निर्माण व अन्य विभाग संबंधित सेवाओं की बहाली के काम में लगे हैं। उधर, कांगड़ा जिले केदेवग्रां में पालमपुर से पंचरुखी व जयसिंहपुर सड़क का कुछ हिस्सा बह गया। साथ ही पानी व मलबा साथ लगते घर के आंगन में घुसा गया। इससे आंगन में खड़ी गुड्डू पुत्र राम लाल की स्कूटी बह गई। साथ ही घर आए मेहमान की स्कूटी भी मलबे के साथ बह गई। भारी बारिश से पालमपुर में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का डंगा गिर गया। प्रदेश के कुछ भागों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य के कुछ स्थानों पर 16 से 20 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ देहरा में हुई बैठक के बाद राज्य पटवारी और कानूनगो संघ ने काम पर लौटने का निर्णय लिया है। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों का सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारी और कानूनगो का राज्य कैडर किया जाना सरकार का नीतिगत फैसला है। उन्होंने पटवारी और कानूनगो से सरकार की इस पहल में सहयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर लागू करने के लिए पटवारी और कानूनगो की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को पेश आ रही समस्याओं के समाधान के लिए सरकार एक मिशन मोड पर कार्य कर रही है और इसमें पटवारी और कानूनगो की बेहद अहम भूमिका है। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पुरानी पेंशन योजना को बहाल किया है और कर्मचारियों की वित्तीय देनदारियों का चरणबद्ध तरीके से भुगतान किया जाएगा। पटवारी एवं कानूनगो संघ के अध्यक्ष सतीश चौधरी ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए पूर्ण निष्ठा व समर्पण भाव से कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी पटवारी और कानूनगो अपने एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे।
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता की और जिला किन्नौर वासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दीं। इस दौरान उन्होंने ध्वजारोहण किया तथा भव्य परेड की सलामी ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री ने कहा कि आज का दिन देश के उन सभी वीरों के नाम होता है जिन्होंने हमे आज़ादी दिलाने में अपने प्राणों की आहुती देकर भारत को अंग्रेजो से आजादी दिलवाई। उन्होंने आज के दिन महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों की आजादी की लड़ाई में प्रदान किए गए उनके अहम योगदान का बखान किया। उन्होंने सभी लोगों से भारतीय संविधान का पालन करने का आहवान किया। कैबिनेट मंत्री ने इस अवसर पर कहा की मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खु के नेतृत्व में प्रदेश सहित जनजातीय जिलों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है। विकास के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है। प्रदेश में गुणात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाना, रोजगार उपलब्ध करवाना निर्धन एवम उपेक्षित वर्गों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने जैसे सभा अहम विषयों पर निरंतरता के साथ प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा की जनजातीय जिला किन्नौर को प्रदेश का नंबर वन जिला बनाने तथा हिमाचल को देश का आदर्श राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है जिसे पूरा करने की दिशा में कांग्रेस सरकार निरन्तर कार्य कर रही है। इस अवसर पर भव्य परेड का आयोजन किया गया जिसका नेतृत्व पुलिस विभाग के सब इंस्पैक्टर नवनीत सैणी ने किया। इस दौरान आई.टी.बी.पी, पुलिस व महिला बल, पुरुष तथा महिला होम-गार्ड, एन.सी.सी. एन.एस.एस, स्काउट एण्ड गाईड, गृह-रक्षा बैंड के जवानों ने परेड में भाग लिया। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रिकांग पिओ, कोठी तथा कल्पा के विद्यार्थियों ने भी बैंड शो के माध्यम भव्य परेड में भाग लिया। इस दौरान रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया तथा समारोह को भव्य बनाया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुति में किन्नौर पब्लिक स्कूल, डाइट रिकांग पियो, जवाहर नवोदय विद्यालय रिकांग पिओ, राजकीय महाविद्यालय रिकांग पियो, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी, केंद्रीय विद्यालय रिकांग पियो, पाइनवुड पब्लिक स्कूल रिकांग पियो व महादेव खेल एवं सांस्कृतिक क्लब पवारी के कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। बागवानी मंत्री ने इस अवसर पर जिला के निगुलसरी स्थित ब्लॉक प्वाइंट के बहाली कार्य के दौरान अपनी जान गवाने वाले एल एंड टी मशीन ऑपरेटर मदन के परिजन को एक लाख रुपए का चेक भेंट कर उनके प्रति सांत्वना प्रकट की। इसके अलावा निगुलसरी के ब्लॉक प्वाइंट को पूर्ण रूप से बहाल करने में लगे लोगों व अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पंचायत के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। वन अधिकर अधिनियम 2006 के तहत आज किन्नौर जिला के 45 लोगों को राजस्व मंत्री द्वारा भू-पट्टे प्रदान किए गए तथा भूमिहीन व्यक्तियों को उनके अपने ज़मीन का मालिकाना हक प्रदान किया गया। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत किन्नौर जिला में गत दिनों आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों में विजेता रहे खिलाड़ियों को भी मुख्य अथिति द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिला में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों, परेड में भाग लेने वाले जवान व सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने वालों को भी सम्मानित किया गया। इससे पूर्व राजस्व मंत्री ने क्षेत्रीय अस्पताल रिकांग पियो में 25 करोड़ रुपए की लागत से बनने जा रहे क्रिटिकल केयर भवन का शिलान्यास भी किया। इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस, वनमंडलाधिकारी अरविंद, पंचायत समीति अध्यक्षा कल्पा खण्ड ललीता पंचारस, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, राजस्व मंत्री की धर्म पत्नी सुशील नेगी, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के निदेशक विक्रम सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सोनम नेगी व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमेश नेगी सहित अन्य उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला कांगड़ा के देहरा विधानसभा क्षेत्र के लिए 50.14 करोड़ रुपये की लागत की पांच नई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में 12.60 करोड़ रुपये की लागत से बनखंडी से बासा वाया मेहता सड़क का उन्नयन, 12.41 करोड़ रुपये की लागत से सुनहेत से बस्सी सड़क का उन्नयन, 11.88 करोड़ रुपये की लागत से खबली दोसड़का से मरहेड़े सड़क का उन्नयन, 7.57 करोड़ रुपये की लागत से बधाल से दौंटा सड़क का उन्नयन तथा 5.67 करोड़ रुपये की लागत से बगलामुखी से मंधीना सड़क का उन्नयन कार्य शामिल है।
स्थानीय रावमापा (बाल) के मैदान में 78वां स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़ी धूम-धाम के साथ मनाया गया। इस मौके पर सरकाघाट की एसडीएम स्वाति डोगरा ने यहां आयोजित उपमंडल स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण करने के उपरांत परेड का निरीक्षण किया व सलामी ली। इस अवसर पर आयोजित आकर्षक मार्च पास्ट में हिमाचल पुलिस , होम गार्ड दल तथा एनसीसी के स्कूल , कालेज तथा एनएसएस व स्काउट्स एवं गाइडस की टुकड़ियों ने भाग लिया। एसडीएम स्वाति डोगरा ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस शुभ अवसर पर हम उन सभी देशभक्तों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए कड़ा संघर्ष किया और क़ुर्बानियां दी। उन्होंने कहा कि आज भारत की पहचान अलग ताक़तवर राष्ट्र के रूप में बनी है। स्वाति डोगरा ने कहा कि आज देश प्रगति के पथ पर निरन्तर अग्रसर है तथा विभिन्न क्षेत्रों में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहते हुए बेहतर भविष्य निर्माण के लिये पूरे समर्पण, अनुशासन व लग्न के साथ कड़ी मेहनत करने का संकल्प लेने का भी आहवान किया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा देश भक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। एसडीएम ने मार्च पास्ट व सांंस्कृतिक कार्यक्रम मेंं भाग लेने वाले प्रतिभागियों एवं उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाले अधिकारी- कर्मचारियों को सम्मानित व पुरस्कृत किया। एसडीएम ने इससे पूर्व अमर शहीद ज्योति पर भी माल्यार्पण किया ।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज 78वें स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर सोलन के ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत कायाकल्प पुरस्कार, 2023 के लिए डॉ. उदित कुमार, खण्ड चिकित्सा अधिकारी चण्डी जिनके पास खण्ड चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर का अतिरिक्त कार्यभार भी है, को सम्मानित किया। उन्होंने नालागढ़ तहसील के जोघों के इंद्रजीत सिंह को लगातार 14 वर्षों से लोगों को निःशुल्क विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने एवं लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के लिए सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने नगर निगम सोलन के सफाई पर्यवेक्षक राजेश कुमार, संजय बाला, सफाई कर्मचारी धर्मपाल, बेलदार राम गोपाल और पंकज को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने पुलिस थाना सोलन सदर के प्रभारी हंस राज, डिटेक्शन टीम सोलन एवं परवाणु में सहायक उप निरीक्षक ज्ञान चंद, पुलिस थाना प्रभारी धर्मपुर, उप निरीक्षक दलीप सिंह, पुलिस थाना प्रभारी कसौली उप निरीक्षक धनवीर सिंह को गंभीर आपराधिक मामलों को हल करने तथा एन.डी.पी.एस. अधिनियम के तहत अनुकरणीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया। उन्होंने मुख्य आरक्षक अनुपम कुमार को विभिन्न मामलों में त्वरित कार्यवाही करने के लिए सम्मानित किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने ज़िला पुलिस सोलन के साईबर प्रकोष्ठ में तैनात मुख्य आरक्षी नरेन्द्र कुमार, आरक्षी दयानन्द, आरक्षी जगदीश और आरक्षी दलीप कुमार को साईबर जांच में प्रशंसनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस चौकी सपरुन के प्रभारी उप निरीक्षक प्रकाश चंद तथा पुलिस थाना कण्डाघाट के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक जगत राम को आबकारी अधिनियम, एन.डी.पी.एस. अधिनियम एवं अन्य मामलों में कार्यवाही के लिए सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस थाना परवाणु के सहायक उप निरीक्षक रविन्द्र कुमार, मानद सहायक उप निरीक्षक अमर सिंह, पुलिस थाना कण्डाघाट, मानक सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार, मानक सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार, मुख्य आरक्षी मोहम्मद रफी, मानक मुख्य आरक्षी विक्रमजीत सिंह और आरक्षी विक्रम कुमार पुलिस लाईन सोलन को सोलन ज़िला में अति महत्वपूर्ण व्यक्तियों के आवागमन के दौरान कुशल कार्य के लिए सम्मानित किया। उन्होंने उप निरीक्षक विनय कुमार, आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी विनोद कुमार, आरक्षी अरुण मेहता, सुरक्षा शाखा को विषम परिस्थितियों में कार्य के पेशवर प्रबंधन एवं शूलिनी मेले और अन्य कार्यक्रमों में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने मुख्य आरक्षी सुनील मेहता और आरक्षी नरेन्द्र कुमार, राष्ट्रीय उच्च मार्ग गश्त को सब्जी मण्डी सोलन से जोखड़ी मोड़ तक सुचारू आवागमन में बेहतरीन सेवा के लिए सम्मानित किया। उन्होंने यातायात कण्डाघाट में मुख्य आरक्षी कंवर सिंह, पुलिस चौकी सपरुन में मुख्य आरक्षी हरीश चौधरी, पुलिस थाना परवाणु में मुख्य आरक्षी विवेक शर्मा, पुलिस थाना सोलन में आरक्षी अमित कुमार और पुलिस चौकी सोलन के आरक्षी बाल कृष्ण और चालक स्नेहल मरवाहा को समय-समय पर दी गई उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। उन्होंने साईबर प्रकोष्ठ सोलन के आरक्षी सौरभ को विभिन्न मामलों के अभयोग में सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया। विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस ज़िला बद्दी के 13 पुलिस कर्मियों को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, नगर निगम सोलन की कार्यकारी महापौर मीरा आनन्द, पार्षदगण, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी एवं रमेश ठाकुर, सचिव विकास काल्टा, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, अजय कंवर, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, प्रदेश विधानसभा के सचिव यशपाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन गोरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
ज़िला स्तरीय स्वतन्त्रता दिवस हर्षोल्लास से आयोजित कुलदीप सिंह पठानिया ने आज देश की स्वतन्त्रता की 78वीं वर्षगांठ पर सोलन ज़िला के एतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय स्वतन्त्रता दिवस समारोह को मुख्यातिथि शिरकत की| इस मौके पर कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि देश हित को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर ही विकास के मार्ग को प्रशस्त किया जा सकता है। इससे पूर्व शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं ज़िलावासियों की ओर से देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों को भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित की। मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने भी इस अवसर पर सभी की ओर से असंख्य वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। विधानसभा अध्यक्ष ने तदोपरांत ठोडो मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, परेड का निरीक्षण किया तथा सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक आशीष कौशल ने परेड का नेतृत्व किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सुदृढ़ देश एवं प्रदेश जन-जन के विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि देश को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करने का हम सभी को संकल्प लेना होगा। देश हित में ही स्व हित निहित है और देश एवं प्रदेश के विकास के लिए सभी को संकल्पित होकर कार्य करना होगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश और प्रदेश ने स्वतन्त्रता के उपरांत चहुमुंखी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ अनेक चुनौतियां भी हमारे समक्ष हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को बाधाओं से पार पाकर आगे बढ़ना है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देश की एकता और अखण्डता को मज़बूत करें। चुनौतियों पर विजय प्राप्त करने के लिए चिंतन एवं मनन के साथ-साथ कार्य करना ज़रूरी है। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि गत 78 वर्षों में जहां हमारा देश विकास के नए सोपानों को प्राप्त कर विकसित देशों की श्रेणी में पहुंच रहा है वहीं हिमाचल प्रदेश ने इस अवधि में देश के समक्ष विकास के आदर्श स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि आज देश को औद्योगिक विकास और आधारभूत अधोसंरचना की मज़बूती के लिए जाना जाता है। श्वेत क्रांति और हरित क्रांति ने ग्रामीण स्तर पर जन-जन की आर्थिकी को सम्बल प्रदान किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल के विकास में सभी का योगदान है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणात्मक सुधार कर लोगों के जीवन में आशातीत बदलाव के लिए कार्यरत है। अनेक नवीन योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की स्थिति में सुधार लाया जा रहा है। उन्होंने आशा जताई कि प्रदेशवासी असंख्य वीरों के बलिदान को स्मरण रखते हुए भावी पीढ़ियों की भलाई के लिए कार्य करते रहेंगे। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि नशे से दूर रहें और प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए सहयोग दें। विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। विभिन्न स्कूलों के साथ-साथ ज़िला पुलिस सोलन की टीम रूस्तम की नशा निवारण की दिशा में दी गई प्रस्तुति ने सभी को सकारात्मक संदेश दिया। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, बघाट बैंक के अध्यक्ष अरुण शर्मा, जोगिन्द्रा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मण्डल के सदस्य जतिन साहनी, नगर निगम सोलन की कार्यकारी महापौर मीरा आनन्द, पार्षदगण, ज़िला कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव सुरेन्द्र सेठी एवं रमेश ठाकुर, सचिव विकास काल्टा, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, अजय कंवर, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, प्रदेश विधानसभा के सचिव यशपाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त अजय यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल, नगर निगम सोलन की आयुक्त एकता काप्टा, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
**सरकार व निगम प्रबंधन के प्रति पेंशनरों में भारी रोष कुनिहार:- हिमाचल परिवहन सेवा निवृत कर्मचारी कल्याण मंच अर्की इकाई की मासिक बैठक पेंशनर भवन कुनिहार में इकाई अध्यक्ष बलबीर चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम सभी ने एक दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी । उसके उपरांत बरसात के कारण प्रदेश में आई त्रासदी में जान गवाने वाले लोगों के प्रति स्वेंदना व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक बारे जानकारी देते हुए अध्यक्ष बलबीर चौधरी ने बताया कि सेवानिवृत कर्मचारियों में सरकार व निगम प्रबंधन के प्रति भारी रोष व्याप्त है उन्होंने बताया कि नई सरकार को सत्ता संभाले डेढ़ साल से अधिक का समय हो गया है। सरकार के सत्ता में आने पर आरंभ से ही माननीय मुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री से कई बार जगह -जगह हमारे कल्याण मंच का प्रतिनिधि मण्डल मिला व मांग पत्र सौंपा तथा यथा स्थिति से अवगत करवाया,बाबजूद इसके हमारे किसी भी मांग पत्र का जवाब देना सरकार व निगम प्रबंधन ने उचित नही समझा।इसी संदर्भ में कल्याण मंच ने निर्णय लिया कि हम प्रदेश व्यापी रोष रैली व धरना प्रदर्शन हर जिला मुख्यालय पर करेंगे,इसी कड़ी में 20जुलाई कुल्लू,30जुलाई मण्डी,7अगस्त हमीरपुर चरणबध तरीके से चल रहा है। बैठक में सरकार व प्रबंधन से पुरजोर मांग की गई कि मानसून सत्र से पहले हमारे सारे वित्तीय लाभ प्रदान कर कल्याण मंच को वार्ता के लिए बुलाया जाए,अन्यथा हम इसी मानसून सत्र में विधान सभा का घेराव करेंगे जिसकी सारी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार व निगम प्रबंधन की होगी। बैठक में इकाई अध्यक्ष बलबीर सिंह चौधरी, सचिव बृजलाल,सुंदर लाल,शंकर लाल,शेर सिंह,सुखराम,राजेश कुमार,धर्म प्रकाश,श्याम लाल,सुशील कुमार,देविंद्र भारद्वाज,ओम प्रकाश,चमन लाल,नरेश कुमार, परस राम,तुलसी राम,चेतराम,हीरा सिंह सहित काफी संख्या में पेंशनर मौजूद रहे।
सोलन के दयानंद आदर्श विद्यालय सोलन के प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस बड़ी ही धूमधाम से मनाया गया| कार्यक्रम का आगाज ध्वजारोहण व राष्ट्रगान के साथ किया गया। कक्षा नौवीं, ग्यारवीं और बारवीं के छात्र-छात्राओं अनमोल,काव्या,अन्तर्ज्ञा,तनीषा, बेअंत,दीपांशी,रक्षित,इच्छा, तान्या के द्वारा मार्चपास्ट की गई और स्कूल प्रिंसिपल ऊषा मित्तल को परेड द्वारा सलामी दी गई। प्रिंसिपल ने वीर क्रांतिकारियों जैसे वीर सावरकर, भगत सिंह, मंगल पांडे, सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद आदि के विषय में अवगत करवाया व आजादी के लिए किए गए अथक प्रयत्नों पर प्रकाश डाला और देश के उन वीरों को श्रद्धांजलि दी| प्रिंसिपल ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वामी दयानंद पहले सन्यासी थे जिन्होंने स्वराज का स्लोगन दिया और कहा कि वह आर्य संस्थाएं ही थी जहां वंदे मातरम गाया जाता था। इसके पश्चात पांचवी, छठी और सातवीं के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत व नृत्य प्रस्तुत किए गए l सानवी, हरीतिका,डेज़ी,सुकृति,प्रत्युषा,आराध्या, लक्षिता,भावना,श्रद्धा,मन्नत आदि प्रतिभागियों ने भाग लिया। उनकी प्रस्तुति से संपूर्ण वातावरण जय हिंद जय भारत के नारों से गूंज उठा l इस विशेष उपलक्ष पर तीनों शाखाओं के सभी स्टाफ मेंबर मौजूद रहे। शांति पाठ के साथ इस महोत्सव का समापन किया गया।
हिमाचल के कई भागों में बीती रात से भारी बारिश हो रही है। कांगड़ा में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 155 मिलीमीटर बारिश हुई है। कांगड़ा की कई सड़कें इससे जलमग्न हो गई। नदी-नाले उफान पर है। कांगड़ा के ही धर्मशाला में 150.7 मिलीमीटर, सिरमौर के नाहन में 119.9 मिमी, नयना देवा में 78.2 मिमी और पांवटा साहिब में 48 मिलीमीटर बारिश हुई है। मौमस विभाग ने कांगड़ा, चंबा, सोलन और सिरमौर जिला में कुछेक स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बारिश के बाद बाढ़ और लैंडस्लाइड का खतरा बना हुआ है। अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट दिया गया है। प्रदेश में आज और कल मानसून एक्टिव रहेगा। मानसून 17 व 18 अगस्त को कमजोर पड़ेगा। इन दो दिनों के दौरान कांगड़ा, शिमला, सोलन व सिरमौर जिला में ही हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में नॉर्मल से 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है। IMD के अनुसार, 1 जून से 14 अगस्त के बीच प्रदेश में 497.2 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 373.3 मिलीमीटर ही बादल बरसे है। प्रदेश में 2 NH-159 सड़कें बंद, सेब ढुलाई में परेशानी प्रदेश में बीते चार दिनों के दौरान हुई बारिश से 2 नेशनल हाईवे सहित 159 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ी है। शिमला जोन में सबसे ज्यादा 111 सड़कें अवरुद्ध है। इससे सेब ढुलाई में बागवानों को परेशानियां झेलनी पड़ रही है। मंडी जोन में 17, हमीरपुर में 10 और कांगड़ा जोन में 21 सड़कें बंद पड़ी है। शिलाई को जोड़ने वाला हाईवे 24 घंटे से ज्यादा समय से बंद है। किन्नौर को जोड़ने वाला हाईवे भी बंद पड़ा है। हालांकि पिछले कल कुछ देर को बहाल कर दिया गया था, मगर वह रात में दोबारा बंद हो गया है। इससे किन्नौर जिला का राजधानी शिमला से संपर्क कट गया है। किसानों की फसले तबाह प्रदेश में इस मानसून सीजन में भारी बारिश से 1083 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति तबाह हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी को सबसे ज्यादा 470 करोड़ रुपए का नुकसान हो गया है। इस बरसात में किसानों-बागवानों की फसलों को भी करोड़ो रुपए की चपत लगी है |
मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल घुमारवीं के दसवीं कक्षा के छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मेरिट सूची में जगह बनाई है। अब कुल छह छात्र बोर्ड की टॉप टेन मेरिट सूची में दर्ज हो गए हैं। इन छह छात्रों में से 4 ने पहले ही बोर्ड की टॉप टेन सूची में जगह बनाई थी। अब इस सूची में 2 और छात्रों ने अपना नाम दर्ज करवाया है। प्रियल रतवान ने पुनर्मूल्यांकन में 700 में से 696 अंक प्राप्त कर चौथा स्थान प्राप्त क़िया है। इससे पहले प्रियल रतवान ने 700 में 691 अंक प्राप्त कर बोर्ड मेरिट सूची में नाम अंकित करवाया था। वहीं प्रगति ने 694 अंक प्राप्त कर छठा स्थान हासिल किया है जबकि आदर्श भोगल ने 700 में 691 अंक प्राप्त किये हैं। वहीं मॉडल स्कूल ऑफ एडुकेशन टिहरा से यहां शिक्षा प्राप्त कर रही तन्वेक्षा ने 700 में 692 अंक हासिल कर 9वां स्थान झटका है। पाठशाला प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुनर्मूल्यांकन में 2 नए छात्रों के अंकों में बढ़ोतरी हुई है। अब मिनर्वा संस्थान से छह छात्र बोर्ड की सूची में आ गए हैं। इन सभी बच्चों को बधाई एवं शुभकामनाएं।
देहरा : धूमधाम से मनाया गया पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नलेटी में 78वां स्वतंत्रता दिवस पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नलेटी में 15 अगस्त को बहुत ही धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस के रूप में मनाया गया। इसमें सबसे पहले ध्वजारोहण किया गया और फिर बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से समा बांधा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सतनाम सिंह ने की। विद्यालय की सामाजिक-विज्ञान शिक्षिका, सरला यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए शब्द सुमनों से श्रद्धांजलि दी। बच्चों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया व इस दिवस की महत्ता बताई। स्नातकोत्तर शिक्षक अंग्रेजी, नरेंद्र कुमार ने भी बच्चों को स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनायें देते हुए भविष्य में देश के प्रति भूमिका निभाने का आवाहन किया। इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य सतनाम सिंह ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया। बच्चों को भारत के भविष्य के प्रति अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों को भी ध्यान में रखने और साथ मिलकर भारत को एक ऐसा राष्ट्र बनाने का आवाहन किया जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट हो और शेष विश्व को प्रेरित करता रहे।
आईईसी विश्वविद्यालय में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 78 वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी गई, जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी को संबोधित भी किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर सभी को भारत के स्वतंत्रता सेनानियों के साहस और बलिदान से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। उन्होंने आजादी के बाद से भारत की उल्लेखनीय प्रगति पर भी प्रकाश डाला और युवाओं से भारत को वैश्विक शक्ति बनाने की दिशा में काम करने का आह्वान किया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य छात्रों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना पैदा करना था। समारोह का समापन राष्ट्रगान की प्रस्तुति और "भारत माता की जय" के स्वरों के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की सीनियर मैनेजमेंट ने सभी को मिठाई बाँट कर बधाई दी।
**मनाली के विधायक को भी आया धमकीभरा फ़ोनकॉल स्वतंत्रता दिवस से पहले गगरेट के विधायक राकेश कालिया और सीएम सुक्खू को फ़ोन में धमकी मिली हैं। कल 15 अगस्त है, जहां एक ओर पुरे भारत में स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारी चल रही है तो वहीं दूसरी ओर हिमाचल के नेताओ को स्वतंत्रता दिवस न मनाने और तिरंगा न फहराने के लिए धमकी भरे फ़ोन कॉल्स आ रहे है। सीएम सुक्खू और गगरेट के विधायक राकेश कालिया को फ़ोन भी अंजान नंबर से आया, जिसमें खालिस्तान नेता गुरविंदर सिंह पन्नू के द्वारा 15 अगस्त को न मानने को लेकर फोन पर धमकियां दी गई और कहा गया कि अगर कल तिरंगा फेहराया तो सीएम सुक्खू को मार देंगे। इसके साथ साथ ये धमकी दी गई कि मौजूद सभी भारतीयों को बम से उड़ा देंगे। और अब एक बार फिर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ को भी धमकी भरा कॉल आया है, जिसमे ये कहा गया कि वो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मार दें तो मनाली को भी खालिस्तान का हिस्सा बनाया जाएगा। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और पुलिस की टीम भी मामले की जांच में जुट गई है। एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
**मनाली के विधायक को भी आया धमकीभरा फ़ोनकॉल स्वतंत्रता दिवस से पहले गगरेट के विधायक राकेश कालिया और सीएम सुक्खू को फ़ोन में धमकी मिली हैं। कल 15 अगस्त है, जहां एक ओर पुरे भारत में स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने की तैयारी चल रही है तो वहीं दूसरी ओर हिमाचल के नेताओ को स्वतंत्रता दिवस न मनाने और तिरंगा न फहराने के लिए धमकी भरे फ़ोन कॉल्स आ रहे है। सीएम सुक्खू और गगरेट के विधायक राकेश कालिया को फ़ोन भी अंजान नंबर से आया, जिसमें खालिस्तान नेता गुरविंदर सिंह पन्नू के द्वारा 15 अगस्त को न मानने को लेकर फोन पर धमकियां दी गई और कहा गया कि अगर कल तिरंगा फेहराया तो सीएम सुक्खू को मार देंगे। इसके साथ साथ ये धमकी दी गई कि मौजूद सभी भारतीयों को बम से उड़ा देंगे। और अब एक बार फिर मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ को भी धमकी भरा कॉल आया है, जिसमे ये कहा गया कि वो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मार दें तो मनाली को भी खालिस्तान का हिस्सा बनाया जाएगा। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और पुलिस की टीम भी मामले की जांच में जुट गई है। एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने बताया कि इस मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 15 अगस्त, 2024 को सोलन के प्रवास पर रहेंगे। कुलदीप सिंह पठानिया 15 अगस्त, 2024 को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित होने वाले ज़िला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यातिथि होंगे। प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष 15 अगस्त, 2024 को प्रातः 10.40 बजे शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों की ओर से देश के लिए अपने सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। कुलदीप सिंह पठानिया तदोपरांत प्रातः 11.00 बजे ठोडो मैदान में ज़िला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण करेंगे। वह तदोपरांत परेड का निरीक्षण करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष इस अवसर पर संदेश के उपरांत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों एवं अन्य को सम्मानित भी करेंगे। कुलदीप सिंह पठानिया तत्पश्चात सायं 03.00 बजे कसौली विधानसभा क्षेत्र की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कण्डा में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
ग्राम पंचायत नाहलियाँ के गांव उपरली नाहलियाँ के सृजल राणा पुत्र सुरेश कुमार व माता निशा राणा गृहणी के बेटे का चयन नवोदय विद्यालय में हुआ है। सृजल राणा ने बताया कि उनके चयन मे उनके माता-पिता और अध्यापक वर्ग का योगदान रहा है। सृजल राणा के पिता प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं और उनके दादा गरीब दास ने बताया कि उनका पोता बहुत ही मेहनती है।
उपमंडल ज्वालामुखी की तहसील खुंडियां के पूर्व सैनिकों ने बुधवार को तहसील कार्यालय के न्यायालय में पंखा लगाया तथा दो स्टील बेंच दान स्वरूप तहसीलदार राहुल शर्मा को भेंट किए। पूर्व सैनिकों ने पाया कि तहसील न्यायलय में पब्लिक के लिए पंखा नहीं है और जनता के लिए विशेष कर बजुर्गो व महिलाओं के लिए हाल में बैठने के लिए कोई उपयुक्त प्रबंध नहीं है। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा ने यह बात तहसीलदार के समक्ष रखी। तहसीलदार ने बजट न होने का जिक्र किया। लीग के अध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी पास दान देने का सुझाव दिया जो सर्व सम्मति से पास किया गया। इस कार्य के लिए इलाके से दर्जनों पूर्व सैनिक आगे आए और स्वेच्छा से दान राशि जमा करवाकर इस पुण्य के भागीदार बने। इस अवसर पर कैप्टन कर्मचंद, कैप्टन कश्मीर, कैप्टन ध्यान, कैप्टन दलीप, सूबेदार बुद्धि, सूबेदार मानचंद, सूबेदार अमर सिंह, सूबेदार मेजर माधो राम आदि उपस्थित रहे।
विजय मेमोरियल स्कूल में संपूर्ण समुदाय के सामूहिक एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। "विकसित भारत का मंत्र -भारत हो नशे से स्वतंत्र" देशव्यापी जागरूकता अभियान का आयोजन विजय मेमोरियल स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में किया गया।15 अगस्त 1947 का दिन भारतीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों ,बलिदान और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। विजय मेमोरियल स्कूल में 78वां गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विशाल वर्मा (एसपीएस) डीएसपी ,नूरपुर तथा आशीष पठानिया एसएचओ इंदौरा ने शिरकतकी। कार्यक्रम की शुरुआत "एक पेड़ देश के नाम" अभियान के अंतर्गत डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा के हाथों से पौधरोपण करके की गई। तदोपरांत आजादी के इस राष्ट्रीय महापर्व पर देश की आन बान शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा के सम्मान में ध्वजारोहण किया गया। जिला कांगड़ा के सभी स्कूलों में सबसे ऊंचा 111 फीट के झंडे को फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। ध्वज के सम्मान में छात्रों ने राष्ट्रगान गाया। देश भक्ति के इसी वातावरण में विद्यालय के एनसीसी के छात्रों ने एक शानदार परेड का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त अन्य कार्यक्रम जैसे नृत्य व संगीत के कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्कूल में आजादी का यह 78वां स्वतंत्रता दिवस मनाए जाने को लेकर काफी उत्साह का माहौल रहा। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को देश की आजादी का मूल्य समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी भारतीय सभ्यता ,संस्कृति और ज्ञान की पराकाष्ठा के कारण ही भारत को विश्व गुरु माना जाता है। इसलिए आज के पावन दिवस पर हम सभी को यह संकल्प करना चाहिए कि भारत को विश्व गुरु बनाए रखने में हम सदैव तत्पर रहे। बाद में स्कूल की प्रधानाचार्या सोनिया शर्मा ने बच्चों को देशभक्ति तथा शहीदों की शहादत को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमें देश के प्रति वफादार रहने तथा भारत मां से जुड़े रहने की प्रेरणा दी है। वीएमएस में देशभक्ति और शहीदों को याद करते हुए यह दिवस बड़े उल्लास के साथ मनाया गया है। इस अवसर पर स्कूल के डायरेक्टर इंजीनियर सचिन शर्मा ने कहा कि विजय मेमोरियल स्कूल भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा, जिससे बच्चों में देश के प्रति प्रेम लगन की भावना विकसित हो सके।
जयसिंहपुर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष जसवंत डढवाल ने कांग्रेस के कोसरी जोन से विनोद टंडन को अध्यक्ष नियुक्त किया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने इस संबंध में विनोद टंडन को नियुक्ति पत्र जारी किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विनोद टंडन के जोन अध्यक्ष बनने से कांग्रेस पार्टी कोसरी जोन में और भी मजबूत होगी। वही विनोद टंडन ने अपनी नियुक्ति के लिए खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल व समस्त ब्लॉक कार्यकारिणी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है।
मंडी: सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ने बीएड कोर्स में काउंसलिंग के लिए तारीखों का ऐलान कर दिया है। पहले राउंड की काउंसलिंग 16 से 21 अगस्त तक एसपीयू से एफिलिएटिड 15 कॉलेजों में होगी। काउंसलिंग की ये प्रक्रिया पूरी तरह से ऑफलाइन होगी। ये जानकारी सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने दी। सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने बताया, "इस बार सरदार पटेल युनिवर्सिटी 1600 सीटों पर बीएड कोर्स में काउंसलिंग करने जा रही है। ये काउंसलिंग पूरी तरह से ऑफलाइन मोड में होगी, जिसमें विभिन्न संकायों के लिए 2435 अभ्यर्थियों ने अप्लाई किया है। पहले राउंड की काउंसलिंग के बाद खाली रह गई सीटों को दूसरे राउंड की काउंसलिंग के जरिए भरा जाएगा, जिसकी तारीख भी सरदार पटेल यूनिवर्सिटी द्वारा जल्द निर्धारित की जाएगी। काउंसलिंग से संबंधित तमाम जानकारी यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। वहीं, कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि पिछले दिनों शिमला में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने प्रदेश की 6 यूनिवर्सिटी के कुलपतियों के साथ बैठक की है। एसपीयू से इस बैठक में उन्हें भी भाग लेने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि बैठक में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने प्रदेश में उच्च शिक्षा में गुणवत्ता लाने के साथ नई शिक्षा नीति 2020 को लेकर चर्चा की। इसके अलावा बैठक यूनिवर्सिटी में होने वाली अन्य गतिविधियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। यूनिवर्सिटी के छात्रों को रोजगार ओरिएंटेड ट्रेनिंग देने और उन्हें स्वरोजगार की ओर बढ़ावा देने पर चर्चा की गई।
मंडी: पंडोह डैम के पास पानी के रिसाव के खतरे को भांपते हुए एनएचएआई ने कल्वर्ट डालने का काम शुरू कर दिया है। पंडोह डैम के पास 40 करोड़ की लागत से लगाए गए डंगे के आसपास लगातार पानी रिसाव हो रहा है। कुछ दिन पहले ही यहां पर सड़क व डंगे के पास दरारें आना शुरू हो गई थी, जिसे आनन-फानन में बंद किया गया था, लेकिन पानी की सही से निकासी न होने के चलते डंगे व सड़क गिरने का खतर बढ़ गया था। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरुण चारी ने बताया कि कल्वर्ट डालने के लिए यहां पर हाईवे की खुदाई का काम किया जा रहा है और इसके लिए प्रशासन व पुलिस से दो दिन का समय मांगा गया है। पुलिस की तरफ से मौके पर कर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि एकतरफा ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने में मदद मिल सके। दो दिनों में इस काम को पूरा कर लिया जाएगा।
जयसिंहपुर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटलू की छात्र-छात्राओं ने राजकीय आदर्श माध्यमिक पाठशाला जयसिंहपुर में आयोजित खंड लंबागांव की अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें छात्र एवं छात्राओं ने खो-खो में ट्राफी पर अपना कब्जा जमाया। स्कूल में पहुंचने पर प्रिंसिपल सुरेंद्र गुलेरिया एवं स्टाफ द्वारा टीमों का जोरदार स्वागत किया गया। इसके साथ ही टीमों को सम्मानित कर बच्चों को भी बधाई दी।
शिमला जिले के समेज में आपदा के 14वें दिन आज भी सर्च ऑपरेशन जारी है। अब तक त्रासदी के बाद 16 शव बरामद हो चुके हैं, जिनमें से 7 शवों की पहचान कर ली गई है, जिनमें से एक शव चार साल के आद्विक का है, जो अपनी मां कल्पना और अपनी बहन के साथ बाढ़ में बहने के बाद लापता हो गया था वहीं, बाकी बचे लापता लोगों के लिए सर्च ऑपरेशन आज भी जारी हैं। गौरतलब है कि 31 जुलाई की रात को समेज की पहाड़ियों पर बादल फटने के कारण आई बाढ़ में पूरा गांव बह गया, जिसमें 36 लोग बाढ़ में बहकर लापता हो गए, जिनमें से 7 लोगों के शव रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिए हैं, जबकि 29 लोगों की खोज अभी भी जारी है।
हिमाचल प्रदेश में आगामी कुछ दिनों के लिए मौसम खराब रहने वाला है। मौसम विभाग ने आगामी 6 दिनों के लिए प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। 14 अगस्त से 20 अगस्त तक प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने 15 अगस्त के दिन प्रदेश में फ्लैश फ्लड को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। खासकर सिरमौर जिले में आगामी कल बाढ़ आने का खतरा बना रहेगा। वहीं, मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेशभर में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। आज भी हिमाचल के विभिन्न जगहों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
** पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच की शुरू पुलिस थाना फतेहपुर के तहत आने वाली पंचायत मनोह सिहाल के गांव सिहाल में एक 90 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने बुजुर्ग कर्म चंद को धक्का देकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के बेटे रमेश कुमार ने बताया कि उनके दो पड़ोसियों के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। मंगलवार को दोनों के बीच झगड़ा हुआ और इसी दौरान किसी एक ने पास में बैठे उनके 90 वर्षीय पिता कर्म चंद को धक्का दे दिया। धक्का लगने से कर्म चंद गिर पड़े और उन्हें तुरंत घर से अस्पताल लाया गया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। रमेश कुमार ने पुलिस प्रशासन से न्याय की अपील की है। पंचायत उपप्रधान कमल सिंह ने कहा कि उनकी पंचायत में यह दुखद घटना घटी है और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवा दी गई है। थाना प्रभारी पवन गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने मृतक के आश्रितों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की पूरी तरह से जांच की जा रही है।
पेंशनर्स एसोसिएशन कुनिहार के अध्यक्ष विनोद जोशी ने कार्यकारिणी के पदाधिकारियों से विचार-विमर्श करने के बाद एसोसिएशन की कार्यकारिणी का विस्तार किया, जिसमें धनीराम तनवर को एसोसिएशन का संरक्षक, दलीप सिंह, पीसी पंवर, जगदीश सिंह को सलाहकार, कृष्ण लाल तनवर को वरिष्ठ उप प्रधान, विजय सिंह, दीप राम ठाकुर, राम स्वरूप को उप प्रधान, डीएन परिहार को संगठन सचिव, गोबिन्द राम को कार्यालय सचिव, ज्ञान चंद पंवर को प्रेस सचिव, ज्ञान चंद ठाकुर को लेखा कार (परीक्षक) तथा जिला डेलिगेट्स जगदीश पंवर, सूर्यकान्त जोशी, मनसा राम पाठक, गोपाल पंवर, भाग मल तनवर को बनाया गया। इसके अलावा दिला राम पंवर,ओम प्रकाश,दिनेश तनवर, राजेन्द्र कुमार,श्याम लाल परिहार, कृष्ण लाल, श्याम लाल ठाकुर, जगदीश गर्ग आदि को कार्यकारिणी के सदस्य बनाए गए। अध्यक्ष विनोद जोशी ने सीएम सुक्खू से मांग की है कि 15 अगस्त को पेंशनरों का डीए एक मुस्त दिया जाए, तथा लंबित मेडिकल बिलों का भुगतान भी सरकार जल्द से जल्द करें।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) में हिमाचल प्रदेश में अब 100 आबादी वाले गांव सड़क सुविधा से जुड़ेंगे। चरण 1, 2 और 3 में हिमाचल में अधिकांश ढाई सौ से एक हजार की आबादी वाले गांव सड़क से जुड़ गए हैं। अब चरण-4 में छोटे गांव में सड़कें पहुंचाई जानी हैं। इससे हिमाचल में ढाई सौ के करीब गांव को फायदा होगा। प्रदेश सरकार ने लोक निर्माण विभाग को सड़कों के प्रोजेक्ट को तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि चरण-4 में सड़कों की लंबाई 900 किलोमीटर के करीब है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दे रही है। जिन ठेकेदारों को सड़कें बनाने के काम आवंटित किए गए हैं। उन्हें पांच साल तक सड़कों की रिपेयर करनी होगी। वह स्वयं सड़कों का निरीक्षण कर रहे हैं। चंबा दौरे के बाद अब मंडी में सड़कों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसमें जूनियर इंजीनियर से लेकर चीफ इंजीनियर मौके पर मौजूद रहेंगे। इसके अलावा लोगों से भी सड़कों के बारे में बात की जाएगी। दौरे के बाद सचिवालय में अधिकारियों के साथ रिव्यू बैठक होनी है। इसमें अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किए जाएंगे। सड़कों, पुलों और भवनों के निर्माण कार्यों में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी। समय समय पर विभाग की ओर से कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं। तीन बार नोटिस जारी होने के बाद इन्हें ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग के क्वालिटी कंट्रोल विंग को मजबूत किया गया है। विंग को जगह-जगह पर चल रहे निर्माण कार्यों की निरंतर गुणवत्ता जांचने के लिए नमूने लेने के निर्देश दिए गए हैं ताकि गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जा सके।
हिमाचल प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों के आठ-आठ स्कूलों में रीडिंग रूम बनेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की बजट घोषणा पढ़ो हिमाचल अभियान लागू करने में शिक्षा विभाग जुट गया है। स्थानीय युवा इन रीडिंग रूम का प्रयोग कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे। बुर्जुर्गों सहित अन्य लोगों को पढ़ने के लिए यहां समाचार पत्र व अन्य पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी। अभियान को सफलतापूर्वक चलाने और जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्टाफ सदस्यों और स्थानीय समुदाय के सदस्यों की एक समिति भी बनाई जाएगी। प्रदेश में पढ़ने-पढ़ाने की संस्कृति के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने वर्ष 2024-25 के बजट भाषण में पढ़ो हिमाचल नाम से एक व्यापक जन अभियान प्रारंभ करने का ऐलान किया है। इस अभियान में विद्यालयों के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी जन समुदाय को जोड़ा जाना है। अभियान के तहत प्रदेश के 500 शिक्षण संस्थानों में सामान्य पाठकों और विशेष रूप से युवाओं के लिए रीडिंग रूम बनाए जाएंगे। इन्हीं शिक्षण संस्थानों के पुस्तकालयों को चलाने में आम जन की भागीदारी को भी सुनिश्चित किया जाएगा। मंगलवार को उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला उपनिदेशकों को योजना को लागू करने के पत्र जारी किए हैं। शिक्षा निदेशालय ने बताया कि प्रदेश के सभी निर्वाचन क्षेत्रों में आठ-आठ स्कूलों का चयन किया जाना है। ऐसे स्कूलों को चयनित करने को कहा गया है जहां पहले से ही वाचनालय की सुविधा है। स्कूल प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि चयनित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दें कि वे छात्रों, स्थानीय ग्रामीणों और ग्रामीण तथा शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं के लिए पठन-पाठन की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था करें। सुनिश्चित करें कि प्रत्येक स्कूल पुस्तकालय के संचालन की देखरेख करने तथा आम जनता की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्टाफ सदस्यों तथा स्थानीय समुदाय के सदस्यों की एक समिति बनाए।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से हिमाचल नौ राज्यों में एनएसयूआई के राज्य अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद इनकी नियुक्ति की गई है। अभिनंदन ठाकुर को हिमाचल प्रदेश एनएसयूआई का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस संबंध में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जानकारी दी गई।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार ने खंड सतरीय अंडर-14 अप्पर जोन छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में बैडमिंटन में विजेता ट्राफी का ख़िताब जीता। जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि इस खंड सतरीय छात्र खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन इश्वार्मा पब्लिक स्कूल दाडलाघाट में 11 अगस्त से 13 अगस्त तक किया गया था, लगभग 305 छात्रों ने इस खेल कूद प्रतियोगिता में भाग लिया I विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय से 5 बच्चों ईशान ठाकुर, आयुष, कुशल, नैतिक और कार्तिक ने बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लिया था I इस खेल कूद प्रतियोगिता में लगभग 18 स्कूलों ने बैडमिंटन में भाग लिया, जिसमे उन्होंने अंतिम मुकाबले में सुल्तानपुर स्कूल को परास्त कर विजेता ट्राफी अपने नाम की I शारीरिक शिक्षक अमर देव ने बताया कि इन बच्चो का चयन जिला सतरीय खेल कूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है I बीएल स्कूल लगातार कई सालों से बैडमिंटन ट्राफी का वर्चस्व कायम रखे हुए है I खेल कूद सपर्धा के समापन समारोह के उपरान्त सभी विजेताओं और उप-विजेताओं को अर्की विधानसभा एम्एलए व CPS संजय अवस्थी द्वारा पारितोषिक देकर सम्मानित कियाI विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष तथा अध्यापक अभिभावक संघ के सभी सदस्यों ने भी बच्चों व उनके अभिभावकों के साथ-साथ शारीरिक शिक्षक अमर देव को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी है व उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है I इस खेल कूद स्पर्धा के दौरान प्रारम्भिक खेल अधिकारी जिला सोलन महेंदर सिंह ठाकुर, खेल प्रभारी सीस राम और अन्य कोच आदि भी मौजूद रहे I विद्यालय प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल, मुख्यध्यापिका सुषमा शर्मा और समस्त अध्यापक वर्ग ने उनकी उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी I विद्यालय प्रधानाचार्य ने बताया कि बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि खेल कूद के क्षेत्र में भी विद्यालय और कुनिहार का नाम रोशन करते हैं I
मिनर्वा कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन इंदौरा में स्वतंत्रता दिवस को बडे ही हर्षोल्लास उत्साह के साथ मनाया गया। इसका शुभारम्भ कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रशांत कुमार ने ध्वजारोहण कर किया। साथ में उन्होंने मां सरस्वती एवं स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर माल्यापर्ण किया। शिक्षा संकाय के प्रशिक्षु अध्यापकों ने सरस्वती वंदना व राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम गाकर यह स्वतंत्रता दिवस के महोत्सव को हर्षोल्लास से मनाया। काॅलेज के प्राचार्य डॉ प्रशांत कुमार ने कहा कि देश के विकास तथा उत्थान में हमारे छात्रों की अहम भूमिका होती है। इस दौरान अपने विचार व्यक्त कर छात्रों से हर-घर तिरंगा लहराने की अपील की तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस कार्यक्रम में बी.एड के अध्यापक वर्ग और बी.एड के प्रशिक्षु अध्यापक उपस्थित रहे ।
** आलमपुर में भाजपा ने निकाली तिरंगा झंडा रैली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर आज आलमपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जयसिंहपुर भाजपा मंडल द्वारा तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा अभियान के तहत जयसिंहपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा, पूर्व जयसिंहपुर विधायक रविंद्र रवि धीमान के नेतृत्व में आलमपुर बाजार में हर कार्यकर्ता ने हाथ में तिरंगा झंडा फहराते हुए देशभक्ति के नारे लगाते हुए रैली निकाली। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आजादी के अमृत महोत्सव पर 11 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा झंडा अभियान पूरे देश में मनाया जा रहा है और जयसिंहपुर का कार्यकर्ता पूरे देशभक्ति के जज्बे के साथ 112 बूथ पर यह कार्यक्रम की शुरुआत कर रहा है। इस कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के बहुत से कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने कहा कि तिरंगा देश की आन बान और शान है और हर व्यक्ति तिरंगा फहराते हुए गौरवान्वित महसूस करता है। इसलिए हर घर तक तिरंगा पहुंचे इसकी व्यवस्था करना हर देशभक्त का कर्तव्य है। और हम सब मिलकर अपने क्षेत्र में तिरंगा झंडा पहुंचाने की पूरी कोशिश करेंगे।
**जयसिंहपुर और टम्बर में पुरस्कृत किए खिलाड़ी **यादविंदर गोमा बोले, खेलों से होता छात्रों का सर्वांगीण विकास जयसिंहपुर: आयुष, युवा सेवाएँ एवं खेल तथा क़ानून मंत्री, यादविंदर गोमा ने कहा कि शिक्षा प्रणाली में खेल गतिविधियों के आयोजन से विद्यार्थी में सामाजिक व्यवहार के साथ-साथ बेहतर अनुशासन की भावना आती है। खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों का शारीरिक विकास होता है वहीं मानसिक स्वास्थ्य और आत्मविश्वास भी बढ़ता है। गोमा ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टम्बर में चार दिवसीय जोनल लेवल अंडर -14 ( छात्र- छात्रा ) वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता के समापन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज क्षेत्र में पढ़ रहे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए दृढ़ संकल्पित है। गुणात्मक शिक्षा के लिए प्रदेश सरकार द्वारा व्यापक प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टम्बर स्कूल के नए भवन का निर्माण कार्य बहुत जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा । उन्होंने स्कूल के लिए पक्की सड़क, भव्य गेट, बास्केटबॉल ग्राउंड का निर्माण करवाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि जिला स्तर के लिए चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार कर और बेहतर प्रदर्शन करें। यादविंदर गोमा ने शिक्षा खण्ड चढियार के 18 स्कूलों के 220 खिलाड़ियों में से विभिन्न खेल स्पर्धाओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार भी वितरित किए। इससे पहले आयुष मंत्री ने स्कूल परिसर में सजावटी पौधा भी रोपित किया। इस दौरान स्थानीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इसके उपरांत युवा सेवाएँ एवं खेल मंत्री ने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयसिंहपुर में शिक्षा खंड लम्बागांव के अंडर 14 जोनल लेवल ( छात्र- छात्रा ) वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इसमे जयसिंहपुर में शिक्षा खंड लम्बागांव के 30 सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों के 424 खिलाड़ियों ने भाग लिया। यादविंदर गोमा ने विजेता प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वह जिला व प्रदेश स्तर में अपनी बेहतर प्रदर्शन कर अपने स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में लोगों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप विकासात्मक कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर में 15 करोड़ की लागत से इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा इसके लिए शुरुआती तौर पर 5 करोड़ पर स्वीकृत कर दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस मैदान में दो हाई मास्ट लाइटें भी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर के रामलीला कला मंच के महत्व को देखते हुए कला मंच के जीर्णोद्धार के लिए 15 लाख रुपए भी स्वीकृत किए हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य संस्थानों की सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। जयसिंहपुर नागरिक अस्पताल में सप्ताह के दो 2 दिन अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को स्कूल के लिए 6 कमरों के अतिरिक्त भवन के निर्माण के लिए बजट का प्रावधान करवाने का भी आश्वासन दिया ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और स्कूल अधोसंरचना उपलब्ध हो सके। इस दौरान एसडीएम संजीव ठाकुर, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस जसवंत डढवाल, तहसीलदार अभिषेक भास्कर, बीडीओ सिकंदर, अधिशासी अभियंता विजय वर्मा एवं संजय ठाकुर, टम्बर पंचायत उप प्रधान महेंद्र डढवाल, जयसिंहपुर स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव चोपडा, विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, प्रतिभागी खिलाड़ी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
शिमला: भारतीय सेना की अग्निवीर योजना की लिखित परीक्षा पास करने वाले युवाओं को शिमला भर्ती कार्यालय की ओर से फिजिकल टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों के युवा www.joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। फिजिकल टेस्ट प्रिथी मिलिट्री स्टेशन, अवेरीपट्टी, रामपुर बुशहर में 3 सितम्बर से 9 सितम्बर 2024 के बीच होंगे। युवाओं को अग्निवीर बनने के लिए 1600 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। कम से कम छह और अधिकतम 10 चिनअप, 9 फीट गड्डे को पार करने के साथ जिग जैग बैलेंस दिखाना होगा। सेना भर्ती कार्यालय शिमला की भर्ती निदेशक कर्नल पुष्विंदर कौर ने बताया कि, 'उम्मीदवार अपने साथ दसवीं एवं बारहवीं पास की मार्कशीट, मूल निवास स्थाई प्रमाणपत्र (Bonafide / Himachali Cert), डोगरा/ माइनॉरिटी प्रमाणपत्र (Dogra Class/ Minority Cert.), जाति प्रमाणपत्र (Caste Cert.), चरित्र प्रमाणपत्र (Character Cert.) केवल नायब तहसीलदार/ तहसीलदार कार्यालय से क्यूआर कोड के साथ ऑनलाइन जारी किया हुआ ही मान्य होगा। उम्मीदवारों को ऐफिडेविट (भर्ती नोटिफिकेशन के अनुसार), 20 रंगीन पासपोर्ट साइज़ फोटो, जिसका बैकग्राउंड नेवी ब्लू हो और अविवाहित होने का प्रमाणपत्र लाना होगा, जिन उम्मीदवारों के पास टेक्निकल शिक्षा प्रमाणपत्र (NIELIT/ITI), एनसीसी और वैध खेल कूद प्रमाणपत्र हो तो उसे अपने साथ जरुर लेकर आएं। उम्मीदवारों के पिताजी सेवानिवृत या सेवारत हैं उन्हें उम्मीदवार ‘रिलेशनशिप सर्टिफिकेट’ एवं साथ में 'डिस्चार्ज बुक' की कॉपी लेकर भर्ती के लिए आना होगा। भर्ती निदेशक कर्नल पुष्विंदर कौर ने युवाओं से आह्वान किया है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई भी दिक्कत होने से भर्ती कार्यालय शिमला में संपर्क करें। भर्ती कार्यालय शिमला ऐसे में हरसंभव मदद करेगा। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों को दलालों से भी सावधान रहने की सलाह दी है। बता दें कि शिमला भर्ती कार्यालय की ओर से शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर के युवाओं की ऑनलाइन लिखित परीक्षा विभिन्न केंद्रों पर 22 अप्रैल को आयोजित की गई थी।
** मुकेश अग्निहोत्री ने साझा की जानकारी लंबे अरसे से लंबित पड़ी फ़ीना सिंह सिंचाई योजना को केंद्र सरकार ने मंज़ूरी दी। क़रीब 300 करोड़ राज्य कोष से खर्च करने के बाद एक दशक से लटकी थी यह परियोजना। अब बाक़ी राशी केन्द्र उपलब्ध करबायगा। यह राशी भी क़रीब 300 करोड़ के आसपास रहेगी। यह योजना कांगडा ज़िले के लिए वरदान रहेगी। हिमाचल में सरकार बनने के बाद से इसे लगातार हम केन्द्र से उठा रहे थे। इस मंज़ूरी के लिए केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल का आभार एवं राज्य के जल शक्ति विभाग ब सहयोगी अफ़सरों को बधाई। याद रहे यह हिमाचल के पानी विभाग का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिस के लिए लम्बा संघर्ष हुआ।
** प्रतियोगिता में 12 स्कूलों के 172 छात्रों ने लिया भाग राजकीय वरिष्ठ माद्यमिक विद्यालय कोट बेजा में शिक्षा खंड पट्टा के तहत आने वाले बारह स्कूलों के 172 छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूली छात्रों द्वारा कबड्डी, बैडमिंटन, बॉलीवॉल ,खो खो, मार्च पास्ट,आदि प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला परिषद सदस्य रीना चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथि का स्कूल परिसर में पहुचने पर प्रिंसिपल, विद्यालय स्टाफ,अभिभावको और स्थानीय लोगो ने स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चो को बधाई देते हुए कहा कि मानव जीवन मे खेलो का बड़ा महत्व है तथा खेल हमे जीवन मे आगे बढ़ने की प्रेरणा देते है उन्होंने बच्चों से आवाहन किया कि वे जीवन मे हमेशा नशे से दूर रहें व परीक्षा में अच्छे अंक लेकर अपने अभिभावको,व गुरूजनों का नाम रोशन करें। मुख्य अतिथि ने खेल प्रतियोगिता में विजेता,उपविजेता टीमो को ट्राफी देकर समानित किया। स्कूल प्रसाशन की ओर से स्कूल की प्रिंसिपल निरुपमा अग्निहोत्री ने मुख्य अतिथि के सामने स्कूल के खेल मैदान के लिए धनराशि की मांग की, जिस पर जिला परिषद सदस्य ने एक लाख रुपए देने की घोषणा की तथा साथ ही स्कूली बच्चों के लिये 5100 रुपए भी प्रदान किए । इस अवसर पर पंचयात प्रधान किरण ठाकुर, राजेन्द्र शर्मा, नरेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्तिथ रहे।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर द्वारा आज पौधरोपण कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के छात्रों द्वारा कंगैहन में गौशाला के पास पौधरोपण किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयोजक डॉ. विकास कालोत्रा व डॉ. हरजिंदर के नेतृत्व में किया गया। महाविद्यालय के छात्रों ने पर्यावरण का ध्यान रखते हुए इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया व हमारी धरती को हरा भरा रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अभियान में एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर मौजूद रहे व छात्रों को संबोधित करते हुए पर्यावरण सुरक्षा के बारे में विचार सांझा किए। साथ ही उन्होंने छात्रों द्वारा पर्यावरण संरक्षण में किए गए उनके प्रयासों की सराहना की और भविष्य मे इस प्रकार के योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण जागरूकता रहा, जिसके अंतर्गत लगभग 200 वृक्ष लगाए गए। संयोजक प्रो. विकास कलोत्रा ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह के अभियान चलाए जाएगें।
हिमाचल में सुक्खू सरकार ने बड़ा फेरबदल करते हुए 27 तहसीलदारों का तबादला किया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ओंकार शर्मा ने इस बारे में आदेश जारी कर दिए है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। सरकार की तरफ से जारी आदेशों के मुताबिक नीलम कुमारी को चंबा से बदलकर टेंपल ऑफिसर ब्रजेश्वरी जिला कांगड़ा लगाया गया है। नीलक्ष शर्मा तहसील ऑफिस ननखडी से ट्रांसफर करके अब तहसीदाद रिकवरी डीसी ऑफिस सिरमौर का जिम्मा देखेंगे। अपूर्व शर्मा तहसील कांगड़ा भेजा गया है। बालकृष्ण को तहसील ऑफिस की जिम्मेवारी सौंपी गई हैं। डॉ आशीष शर्मा को तहसील ऑफिस भोरंज जिला हमीरपुर का दायित्व सौंपा गया है। रजत सेठी को तहसील थुनाग जिला मंडी में तहसीलदार लगाया गया है। संजीव गुप्ता को तहसील ऑफिस शिमला रूरल का जिम्मा देखेंगे। ऋषभ शर्मा को तहसील ऑफिस पांवटा साहिब में अपनी नई जिम्मेवारी संभालेंगे। वहीं, सुनील चौहान को हिमुडा शिमला में तहसीलदार लगाया गया है। परीक्षित कुमार को तहसील रामपुर जिला शिमला में अपना कार्यभार संभालेंगे। इसके अतिरिक्त हीरालाल घेजटा को तहसीलदार तहसील अर्बन होंगे। विक्रम जीत सिंह तहसील थुरल जिला कांगड़ा में अपना नया पदभार संभालेंगे। सुमेध शर्मा टीसीपी शिमला एक्स कैडर पोस्ट लगाया गया है। वहीं, जय सिंह की ट्रांसफर तहसील डडाहु जिला सिरमौर के लिए की गई है। इसी तरह से कुलताज को बदल कर तहसील नगरोटा सुरियां जिला कांगड़ा भेजा गया है। शिखा कुमारी की तहसील घनारी जिला ऊना में तहसीलदार का जिम्मा सौंपा गया है। अजय कुमार की ट्रांसफर तहसील ज्वाली जिला कांगड़ा के लिए की गई है। विनोद कुमार को तहसील होली जिला में तहसीलदार लगाया गया है। नितेश ठाकुर की तहसील भुंतर जिला कुल्लू के लिए ट्रांसफर की गई है। वहीं, प्रवीण कुमार को तहसील धर्मशाला जिला कांगड़ा के लिए भेजा गया है। इसके अतिरिक्त गिरि राज को स्टैंप सेल हिमाचल प्रदेश सचिवालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभिषेक चौहान अब तहसील कुपवी जिला शिमला में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, राजीव रांटा को एससी/एसटी कॉर्पोरेशन सोलन भेजा गया है। इसके अलावा मनोहर लाल को टेंपल ऑफिसर ज्वाला जी लगाया गया है। राहुल कुमार की ट्रांसफर तहसील ज्वालामुखी जिला कांगड़ा के लिए की गई है। कैलाश कौंडल की बदली सेटलमेंट अर्की जिला सोलन के लिए की गई है। इसी तरह से वरुण गुलाटी की ट्रांसफर तहसील करसोग जिला मंडी के लिए की गई है।
राजकीय स्नातक महाविद्यालय इंदौरा में एक भारत, सर्वश्रेष्ठ भारत के अंतर्गत छात्रों को विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया गया, जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉक्टर सुमीक्षा गुप्ता ने की। इसमें बताया गया कि विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के बीच अधिक सांस्कृतिक आदान-प्रदान और समझ को बढ़ावा देने के लिए भारत की विविधता में एकता के प्रमाण के रूप में कैसे खड़ा है। इसके साथ ही बच्चो को अवगत करवाया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पहल का विचार 31 अक्टूबर 2015 को सरदार पटेल की 140वी जयंती के अवसर पर उनके विचारों से प्रेरित होकर आजादी के बाद देश को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत में विविधता में एकता की भावना के साथ सर्वोत्तम प्रथाओं को सांझा करना आदि बातचीत को बढ़ावा देना, अलग-अलग प्रदेशों में भाषा सीखने, संस्कृति और परंपराओं जैसे संगीत, पर्यटन ,विभिन्न व्यंजन ,खेल ,नाटक पोस्टर बनाना ,प्रश्नोत्तरी ,प्रतियोगिता नृत्य ,पेंटिंग, दीवार पत्रिका ,गीत, कविता पाठ ,टॉकटाइम जैसी कई गतिविधियों का आयोजन करते हैं। DOSEL ने एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को बढ़ावा देने के लिए हर महीने 30000 स्कूलों के औसतन 18 लाख छात्रों को विभिन्न शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को शामिल किया है, इसमें लगभग 50 बच्चों ने भाग लिया इस अवसर पर प्रोफेसर योगेश, डॉक्टर अवस्थी, कार्यक्रम की संयोजक प्रोफेसर रेखा पठानिया ,प्रोफेसर आरके गुप्ता ,प्रोफेसर नरेश कुमार, प्रोफेसर पूनम आदि लोग उपस्थित रहे।
** खुदाई से पहले ही टनल के ऊपर गिर गया पहाड़ी का बड़ा हिस्सा **बाहर खड़े कर्मियों ने भागकर बचाई अपनी जान हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में टनल गिरने से अफरा-तफरी मच गई। आज सुबह शिमला में निर्माणाधीन टनल भरभराकर गिर गई। कालका से शिमला निर्माणाधीन फोरलेन पर संजौली के चलौंठी में टिटरी टनल का काम चल रहा था। सोमवार शाम को यहां कुछ पत्थर और मिट्टी गिरनी शुरू हुई थी, इसके बाद टनल में काम में लगे कर्मचारी और मशीनरी पहले ही बाहर निकाल ली गई थी। NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर अचल जिंदल ने कहा, "जहां टनल का पोर्टल बन रहा था, वहां मलबा डंप हो गया था। पोर्टल को पक्का करने का काम चल रहा था। तेज बारिश में टनल के पोर्टल पर लैंडस्लाइड हो गया। गौरतलब हैं कि शिमला में इन दिनों टनल बनने का काम चला हुआ है। मल्याणा से चलोंठी की ओर फोरलेन की टनल बनाने का काम चल रहा है। हेलीपैड के पास बन रही यह टनल बरसात के कारण गिर जाने से लोगों में डर बैठ गया है।
बागवानों की फसल का पैसा न चुकाने के बाद बाहरी राज्यों की मंडियों में पलायन करने वाले डिफाल्टर आढ़तियों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। सरकार ने कृषि उपज विपणन बोर्ड को ऐसे आढ़तियों के खिलाफ हुई शिकायतों का रिकाॅर्ड खंगालने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश की मंडियों में काम करने वाले कुछ डिफाल्टर आढ़तियों ने लाइसेंस का नवीनीकरण न होने के बाद हरियाणा की मंडियों में काम शुरू कर दिया है। सरकार ने बागवानों से भी पंजीकृत आढ़तियों को ही फसल देने का आग्रह किया है। बागवानों से ठगी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सरकार ने एसआईटी का गठन किया है। अब तक एसआईटी कुल 3,451 में से 3,076 शिकायतों का निपटारा कर चुकी है और बागवानों को करोड़ों रुपये की पेमेंट भी करवाई गई है। बाहरी राज्यों में पलायन करने वाले डिफाल्टर आढ़तियों के खिलाफ कार्रवाई का जिम्मा भी एसआईटी को सौंपने की तैयारी है। राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक हेमिस नेगी ने बताया कि बागवानों से आग्रह है कि अपनी फसल मंडियों में पंजीकृत आढ़तियों को ही बेचें ताकि फसल का पैसा न देने वाले आढ़तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लोगों से आह्वान किया है कि वे प्रदेश भर में ठप पड़ी या खराब हालत की सडक़ों के बारे में जानकारी भेजें। विक्रमादित्य सिंह के इस आह्वान के बाद सडक़ों को लेकर सवाल उठाने वालों ने कुछ ही समय में हज़ारो कमेंट कर दिए, जिसमे लोगो ने अपने क्षेत्र की सड़को की जानकारी दे दी। अब पीडब्ल्यूडी मंत्री इस जानकारी के बाद आगामी कौन सा कदम उठाएंगे या सबसे पहले किस सडक़ का मुआयना करने जाएंगे, इस पर सभी प्रदेशवासियों की नजरें टिकी हुई हैं। विक्रमादित्य सिंह ने पिछले साल सडक़ ठप होने की जानकारी दूरभाष पर देने की सलाह दी थी। इसके लिए विभाग ने एक नंबर भी जारी किया था और इस नंबर पर रोजाना अनेक फोन विभाग के पास आ रहे थे। अब यह दूसरी बार है, जब मंत्री लोगों के साथ संपर्क साधकर प्रदेश की खराब सडक़ों को सुधारने का प्रयास कर रहे है और इसको लेकर अब लोगो में काफी उत्सुकता देखी जा रही हैं।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मारी। इससे महिला की मौत हो गई और स्कूटी चालक को गंभीर चोटें आई। घायल चालक का मेडिकल कालेज नेरचौक में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना के अनुसार, बल्ह घाटी की महिला रमा देवी ने बीती शाम को अपने घर जाने को स्कूटी सवार से लिफ्ट ली। जैसे ही महिला अपने घर बग्गी के समीप गनियुरा पहुंची, तो पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद महिला ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गई। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी चालक राम सिंह को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि मृतक महिला नेरचौक मेडिकल कॉलेज में सफाई कर्मी थीं। एएसपी मंडी सागर चन्द्र ने बताया कि लोहारा बस स्टॉप के पास यह हादसा हुआ है, जिसमें ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि हादसे में महिला की मौत हो गई और स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


















































