काफी समय से सिख नेताओं और श्रद्धालुओं की मांग पर करतारपुर कॉरिडोर कल यानी 17 नवंबर को खोला जा रहा है। इस कि सूचना केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए मंगलवार को दी। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि एक बड़े फैसले के तहत मोदी सरकार ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर को 17 नवंबर से दोबारा खोलने का फैसला लिया है, इससे बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं को फायदा होगा। गृह मंत्री ने कहा कि यह फैसला श्री गुरु नानक देव जी और सिख समुदाय को लेकर मोदी सरकार की अपार श्रद्धा को दर्शाता है। याद दिला दे कि मार्च 2020 में कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए कॉरिडोर को बंद कर दिया गया था। हालांकि पाकिस्तान ने अपनी तरफ से पहले ही कॉरिडोर खोल दिया था। हाल हीं में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भी गृह मंत्री से मुलाकात करके करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग की थी, इसके साथ ही शिरोमणि अकाली दल नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने भी प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर यही मांग की थी। इसके अलावा नवजोत सिंह सिद्धू भी करतारपुर कॉरिडोर खोलने की मांग उठाते रहे हैं।
अब कई राजनेताओं और सितारों के विरोध के बाद सोमवार को किन्नर अखाड़ा ने भी कंगना रनौत के बयान पर अपना विरोध जताया हैं। इसी कड़ी में किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कंगना के बयान पर अपना विरोध जताते हुए कहा कि उनका यह बयान पूरी तरह से गलत है। कंगना को अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए और अपना बयान वापस लेना चाहिए। महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण ने कंगना के इस बयान को देशद्रोह बताया है। किन्नर अखाड़े के मुखिया ने कहा कि देश की आजादी को लेकर इस तरह का बयान लोकतंत्र और संविधान का अपमान है। "देश के कितने महान स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना खून बहाया, सत्याग्रह में भाग लिया और अपने जीवन में अपना सब कुछ बलिदान कर दिया ताकि देश अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त हो सके। इस प्रकार, फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का बयान देश के स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। त्रिपाठी ने यह भी कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का प्रयोग करने का अधिकार है और राजनीतिक बयानबाजी भी की जा सकती है, लेकिन देश की आजादी को पहले या बाद में बनी सरकार या किसी भी राजनीतिक दल के चश्मे से नहीं जोड़ा और देखा जा सकता है। आचार्य महामंडलेश्वर ने भी राष्ट्रीय सनातन सेना द्वारा निकाले गए जुलूस का नेतृत्व कर कहा कि किन्नर अखाड़ा उन सभी संस्थाओं के साथ है जो देश की प्रगति के लिए काम कर रही है।
जम्मू कश्मीर के श्रीनगर जिले के हैदरपोरा में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुए मुठभेड़ के बाद आज चौथा शव बरामद किया गया है। बता दें कि सोमवार को शुरू हुए एनकाउंटर में दो लोगों आतंकी मारे गए थे। वहीं आज दो अन्य के शव बरामद किए गए हैं। दोनों शव की बरामदगी के एनकाउंट वाले जगह पर से बरामद शवों की संख्या चार हो गई है। बता दें कि पुलिस और सेना की संयुक्त टीम को आतंकियों के बारे में जानकारी मिली थी। जैसे ही आतंकियों की जानकारी पुलिस को मिली तो तुरंत टीम बनाकर इलाके की घेराबंदी कर दी गई। टीम को मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। जिसके बाद आतंकवादियों की ओर से गोलीबारी शुरू कर दी गई। जवाबी कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला और आतंकियों का मुहंतोड़ जवाब देना शुरू कर दिया है। इस दौरान सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में हाल के दिनों में आतंकी वारदात में तेजी देखी गई है। आठ नवंबर को ही आतंकियों ने एक सेल्समैन की हत्या कर दी थी। इससे एक दिन पहले सात नवंबर को आतंकियों ने एक कॉन्सटेबल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं अक्टूबर में आतंकियों ने 13 नागरिकों की हत्या कर दी थी। इसमें बिजनेसमैन, मजदूर और शिक्षक शामिल हैं। अक्टूबर में ही 12 जवान आतंकी हमले में शहीद हो गए थे। वहीं सुरक्षाबलों ने 20 आतंकियों को मार गिराया।
आज के दिन यानि 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस मौके पर कई लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला ने पत्रकारिता और मीडिया से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर देश में सकारात्मक जनमत निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहे पत्रकारों का अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि प्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के साथ सरकार और आमजन के बीच विश्वसनीय सेतु की भूमिका निभाई है। लोकसभा स्पीकर ने कहा कि समस्याएं उजागर कर समाधान की राह दिखाने में प्रेस का योगदान अहम है। ओम बिरला ने कहा, ''राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर देश में सकारात्मक जनमत निर्माण में अग्रणी भूमिका निभा रहे पत्रकारों का अभिनंदन। प्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाने के साथ सरकार और आमजन के बीच विश्वसनीय सेतु की भूमिका निभाई है। समस्याएं उजागर कर समाधान की राह दिखाने में प्रेस का योगदान अहम है।''
हिमाचल प्रदेश विभागीय परीक्षा बोर्ड के एक प्रवक्ता ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार के अधीन नियमित आधार पर सेवाएं प्रदान कर रहे पात्र अधिकारियों/कर्मचारियों के लिए विभागीय परीक्षा का आयोजन 14 से 23 फरवरी, 2022 तक किया जाएगा। परीक्षाएं भारतीय प्रशासनिक सेवाएं, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं, तहसीलदार/नायब तहसीलदार, भारतीय वन सेवाएं/हिमाचल प्रदेश वन सेवाएं के अधिकारियों, अन्य सभी राजपत्रित अधिकारियों और पात्र अराजपत्रित अधिकारियों तकनीकी और गैर-तकनीकी, राज्य आबकारी एवं कराधान विभाग के आबकारी और कराधान निरीक्षक, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड निगम के अभियंता अधिकारियों, हिमाचल प्रदेश राज्य पर्यटन विभाग के सहायक अभियंता और राजस्व विभाग के पटवारियों के लिए विभागीय कानूनगो परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि केवल पेपर नम्बर-1 परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवारों की सुविधा के लिए राजकीय महाविद्यालय संजौली, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी में भी परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं राजकीय महाविद्यालय संजौली शिमला में ही आयोजित की जाएंगी। उन्होंने यह भी बताया कि जो उम्मीदवार विभागीय परीक्षाओं में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें मानव सम्पदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन 1 दिसम्बर से 31 दिसम्बरतक जमा करवा सकते हैं। प्रार्थियों द्वारा किए गए आवेदन तभी मान्य होंगे जब उन्हें विभाग द्वारा अनुमोदित किया जाएगा। विभागाध्यक्ष प्रार्थियों द्वारा किए गए आवेदनों को 10 जनवरी, 2022 तक अनुमोदित कर पाएंगे और इसके उपरान्त विभागाध्यक्ष की विंडो स्वतः ही बंद हो जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदन फाॅर्म हिपा की वेबसाइट www.hipashimla.nic.in से डाउनलोड किया जा सकता है
ब्लाक खंड परागपुर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सेहरी के बरियाल बेहड़ में लंबे अरसे बाद जसवां परागपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा व प्रदेश उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर के प्रयासों से सड़क बनने का सपना साकार होगा। बरवाल बेहड़ के 18 परिवारों ने लोक निर्माण विभाग के एसडीओ अमित गुलेरिया की उपस्थिति में तहसीलदार रक्कड़ अमित शर्मा के माध्यम से अपनी लाखों करोड़ों रुपए की जमीन लोक निर्माण विभाग को दान स्वरूप देकर इलाके भर में मिसाल कायम की है। जबकि इस भूमि में गांव बरियाल बेहड़ के अकेले परमजीत व उनके परिवार ने सात कनाल जमीन विभाग को दी है। उक्त भूमि दानवीरों की सीख उन लोगों को भी लेनी होगी, जो अपनी एक इंच जमीन के लिए एक-दूसरे पर मारपीट व जान लेने के लिए उतारू हो जाते है। बताया जा रहा है कि आजादी के 76 वर्ष का लंबा वक्त के बाद भी यहां लोग सड़क सुविधा से वचिंत थे। लेकिन उक्त भूमि दानवीरों द्वारा अपनी मिलकीयती भूमि बिना लालच सड़क के लिए दान देकर बड़ी राहत प्रदान की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा व अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश उद्योग मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर से मांग की हैं कि जल्दी से जल्दी इस सड़क को बजट में डाल कर इन सभी दानी सज्जनों का सपना साकार करें।
सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के नए रेट्स जारी कर दिए हैं। लगातार 12वें दिन तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के रेट्स में कोई इजाफा नहीं किया है। वहीं, इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा है। ब्रेंट क्रूड की कीमत आज 82.17 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रही हैं। इसके अलावा WTI क्रूड 80.96 डॉलर प्रति बैरल पर है। गौरतलब है कि इस समय ज्यादातर राज्यों में तेल की कीमत 100 रुपये के पार है। दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में तेल की कीमतें 100 रुपये के पार हैं।
सोने की कीमत में मंगलवार को फिर से बढ़ोतरी देखने को मिली है। आज एमसीएक्स पर सोने के दाम 0.25 फीसदी बढ़ गया। इस बढ़त के बाद सोने की कीमत पिछले दिन के वायदा भाव 49,132 रुपये प्रति दस ग्राम से बढ़कर 49,420 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गई। सोने के साथ-साथ आज चांदी की चमक भी बढ़ी है। इसकी कीमत में 0.57 फीसदी की तेजी आई है। इस बढ़त के साथ चांदी का भाव बढ़कर 66,940 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया है। पिछले दिन वायदा कारोबार में चांदी की कीमत गिरावट के साथ 66,613 रुपये प्रति किलोग्राम थी। बता दें कि देश में सोने की कीमत उत्पाद शुल्क, राज्य कर और मेकिंग चार्ज के कारण अलग-अलग होती है।
एक आधिकारिक बयान में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने घोषणा की कि सोनीपत के खरखोदा में करीब 900 एकड़ जमीन पर मारुति का नया संयंत्र स्थापित करने की मंजूरी राज्य सरकार द्वारा दी गई हैं। मारुति सुजुकी अब सोनीपत जिले के खरखोदा में 900 एकड़ से ज्यादा जमीन में एक नया प्लांट लगाने जा रही हैं। खट्टर ने बताया कि इससे वाहन निर्माता को उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी जिससे ऑटोमोबाइल क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही कंपनी को सरकार की ओर से 15 साल के लिए स्टेट गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (SGST) रीइंबर्समेंट दिया गया है। एक और कारखाना बनाना एक आकर्षक संभावना प्रतीत होती है जो वाहन निर्माता को अपने उत्पादन को अपने वांछित लक्ष्यों तक पहुंचाने में मदद करेगा। वैश्विक स्तर पर सेमिकंडक्टर चिप की कमी के चलते इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स की कमी के कारण, वह हरियाणा में स्थित अपने दो प्लांट और गुजरात में मूल सुजुकी कारखाने में उत्पादन पर नकारात्मक प्रभाव की उम्मीद कर रही है। ऑटोमेकर ने स्थिति को गतिशील बताया क्योंकि उसके मुताबिक हरियाणा में दोनों कारखानों में कुल उत्पादन मात्रा नवंबर में सामान्य रोल-आउट का करीब 85 प्रतिशत हो सकती है। अक्तूबर का महीना भी मारुति सुजुकी के लिए बहुत अच्छा नहीं रहा क्योंकि घरेलू बाजार में इसकी बिक्री कंपनी की उम्मीद के मुताबिक नहीं थी। अपनी दूसरी तिमाही की घोषणा में, मारुति सुजुकी के अधिकारियों ने बताया कि हालांकि मांग संतोषजनक बनी हुई है, चिप संकट के कारण उत्पादन को नुकसान हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश में करीब दो साल बाद सोमवार से पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों के लिए भी स्कूल खुल गए हैं। सोमवार को पहले दिन स्कूल पहुंचे बच्चों का शिक्षकों ने कहीं तिलक लगाकर स्वागत किया तो कहीं टॉफियां भी बांटी गईं। पहली के बच्चों ने पहली बार तो दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों ने करीब पौने दो वर्ष बाद स्कूल परिसर में प्रवेश किया। वंही प्रदेश में पहले दिन पहली और दूसरी कक्षा के 65 फीसदी बच्चे स्कूलों में पहुंचे। सोमवार को पहली से पांचवीं कक्षा में 68.90 फीसदी, छठी से आठवीं कक्षा में 70.95 फीसदी और नौवीं से बारहवीं कक्षा में 66.0 फीसदी विद्यार्थियों ने हाजिरी दर्ज करवाई। सभी स्कूलों में कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से में पालन करवाया गया। उधर, निजी स्कूलों में प्राइमरी कक्षाओं में अपेक्षाकृत बच्चे कम आए।
हिमाचल प्रदेश कोरोना वैक्सीनेशन की पहली डोज में देश में पहले स्थान पर आने के बाद दूसरी डोज में गोवा से पिछड़ गया है। गोवा में दूसरी डोज 83 फीसदी लोगों को लग चुकी है, जबकि हिमाचल में अभी 75 फीसदी लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगी है। हालांकि, हिमाचल सरकार ने 30 नवंबर तक दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लोगों को घर-घर वैक्सीन लगाने और पंचायतों में 100 फीसदी वैक्सीन का टारगेट पूरा करने का प्रस्ताव पारित किया है। इसके अलावा लद्दाख दूसरी डोज में हिमाचल के करीब पहुंच रहा है। यहां 73 फीसदी लोगों को वैक्सीन लग चुकी है।
राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार में राज्य मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आज यानि मंगलवार को होने जा रही है। इस मीटिंग में पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने को लेकर फैसला लिया जा सकता है। केंद्र सरकार द्वारा 3 नवंबर को पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम कर दी गई थी जिसके बाद कई राज्यों ने भी तेल पर वैट में कटौती की थी। वहीं पेट्रोल और डीजल पर लागू वैट को कम करने को लेकर राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार भी भारी दबाव झेल रही है। बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को इस आशय के संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की बैठक में वैट कम किए जाने को लेकर चर्चा होगी और जो भी संभव होगा वो फैसला लिया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ये भी कहा था कि कई राज्यों ने पेट्रोल-डीजल पर वैट कम कर दिया है, जिससे राज्यों के बीच असमानता हो गई है। आधिकारिक रूप से मंत्रिपरिषद की बैठक का समय अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन उम्मीद की जा रही हैं की शाम पांच बजे यह बैठक हो सकती हैं।
बिहार में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। बिहार के लखीसराय जिले के सिकन्दरा-शेखपुरा एनएच 333 पर हलसी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के समीप मंगलवार की सुबह ट्रक एवं सूमो गोल्ड वाहन की जबरदस्त टक्कर हो गई है। इसमें सूमो पर सवार चालक सहित एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर मौत हो गई है। सूमो पर कुल 10 लोग सवार थे। चार सवारी का शव सड़क पर फेंका गया जबकि चालक सहित दो लोग सूमो में फंसे रह गए। सभी मृतक जमुई जिले के रहने वाले बताए थे। वंही ट्रक एलपीजी रसोई गैस के खाली सिलेंडर लदा हुआ था।
प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने अधिवक्ता सौरभ कृपाल को दिल्ली उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सबसे बड़ी बात ये है कि वह देश के पहले समलैंगिक जज हो सकते हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के जज के रूप में कृपाल की प्रस्तावित नियुक्ति उनकी कथित यौन अभिरूचि के कारण विवाद का विषय थी। कृपाल को 2017 में तत्कालीन कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल के नेतृत्व में दिल्ली उच्च न्यायालय के कॉलेजियम द्वारा पदोन्नत करने की सिफारिश की गई थी। इसके बाद उच्चतम न्यायालय के कॉलेजियम ने भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। हालांकि, केंद्र ने कृपाल की कथित यौन अभिरूचि का हवाला देते हुए उनकी सिफारिश के खिलाफ आपत्ति जताई थी। सिफारिश पर विवाद और केंद्र द्वारा कथित आपत्ति को लेकर पिछले चार वर्षों से कई अटकलें लगाई जा रही थीं।
कोरोना की दूसरी लहर के बाद फिलहाल हालात सामान्य हो रहे हैं और अर्थव्यवस्था भी पटरी पर आती दिख रही है। ऐसे में बुनियादी ढांचे के विकास के लिए राज्यों के खाते में एक साथ ज़्यादा पैसा देने का फ़ैसला किया गया है। 22 नवम्बर को राज्यों की झोली भरने वाली है। मोदी सरकार ने फ़ैसला किया है कि अर्थव्यवस्था में तेज़ी लाने के लिए राज्य सरकारों के पास पैसों की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए केन्द्रीय करों में से इस महीने राज्यों के हिस्से की एक नहीं बल्कि दो किस्तें एक साथ देने का फ़ैसला किया गया है। 22 नवम्बर को सभी राज्यों को दो किस्तों का कुल 95000 करोड़ रुपया एक साथ भेजा जाएगा। जबकि अगर एक ही क़िस्त भेजी जाती तो ये रक़म 47500 करोड़ रुपए होती। गौरतलब है कि सोमवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वित्त मंत्रियों के साथ बैठक की। बैठक का उद्देश्य कोरोना की दूसरी लहर के बाद पटरी पर वापस लौटती दिख रही अर्थव्यवस्था में जान डालने के लिए एक साझा कार्य योजना बनाना था। बैठक में उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए जबकि 11 राज्यों के वित्त मंत्री उनकी ओर से शरीक हुए। बैठक के बाद निर्मला सीतारमण ने राज्यों को एक साथ दो किस्तों का पैसा देने का फ़ैसला किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश में 340 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश में 340 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सप्रेसवे पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को जोड़ेगा। करीब 42,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित, एक्सप्रेसवे लखनऊ के चांद सराय गांव से शुरू होता है। यह एक्सप्रेसवे लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर से होकर गुजरेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ के रास्ते लखनऊ से गाजीपुर तक छह लेन पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण का शुभारंभ किया था। भविष्य में एक्सप्रेस-वे को आठ लेन तक बढ़ाया जा सकता है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार का दावा है कि एक्सप्रेसवे न केवल औद्योगिक गतिविधियों के लिए रास्ता खोलेगा, बल्कि पूर्वांचल के विकास को भी बढ़ावा देगा और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार प्रदान करेगा। पीएम मोदी दोपहर 1.30 बजे वायुसेना के सी-130जे सुपर हरक्युलिस एयरक्राफ्ट से एक्सप्रेसवे पर ही बनी खास एयर-स्ट्रीप पर उतरेंगे। जहां यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ उनकी अगवानी करेंगे। दोपहर 2.40 बजे एयर शो शुरू होगा जो आधे घंटे चलेगा। इस दौरान भारतीय वायुसेना के दो सी-130जे मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट एक्सप्रेसवे पर बनी खास हवाई पट्टी पर उतरेंगे। एक सी-130जे पर पीएम मोदी वायुसेना के अधिकारियों के साथ होंगे। इस एक्सप्रेसवे पर 3.20 किलोमीटर लंबी एक खास हवाई पट्टी बनाई गई है। विशेष परिस्थितियों में वायुसेना के फाइटर जेट्स और ट्रांसपोर्ट विमान इस हवाई पट्टी उर उतर सकेंगे। उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी की मौजूदगी में भारतीय वायुसेना के छह फाइटर जेट्स भी लैंडिंग, टेकऑफ और टक डाउन ऑपरेशन्स करेंगे। इन लड़ाकू विमानों में दो सुखोई, दो मिराज और दो ही जगुआर शामिल होंगे।
दिल्ली और इससे सटे आसपास के राज्यों के इलाकों में हवा का स्तर बेहद खराब रिकार्ड किया जा रहा है। Aqicn.org के ताजा आंकड़े इस चिंता को और बढ़ाने का काम कर रहे हैं। सुबह से ही हवा में बेहद बारीक जानलेवा कण जिनको पीएम 2.5 कहा जाता है बेहद अधिक रिकार्ड किए गए हैं। मंगलवार 16 नवंबर की सुबह 7 बजे दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर 11 में एक्यूआई का स्तर 999 रिकार्ड किया गया है जो बेहद खतरनाक है। यहां के ही सेक्टर 30 में इसका लेवल 330 पाया गया है। इसी तरह से राजधानी दिल्ली में आज सुबह सात बजे एक्यूआई का विभिन्न जगहों पर खतरनाक स्तर रिकार्ड किया गया है। सुबह सात बजे आनंद विहार इलाके में एक्यूआई का स्तर 470, वजीरपुर में 440, सत्यवती कालेज के पास 450, पंजाबी बाग में 359, द्वारका में 329, पूसा में 301, मंदिर मार्ग पर 343, अरबिंदो मार्ग पर 304, मेजर ध्यान चंद स्टेडियम के पास 362, दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के पास 357, झिलमिल में 466, पटपड़गंज इलाके में 406, श्रीनिवासपुरी में 313, नेशनल इंस्टिट्यूट आफ मलेरिया रिसर्च, द्वारका में 329, मुंडका में 356, सोनिया विहार में 405, नरेला में 488, बवाना में 355, रिकार्ड किया गया है।
सुरक्षाबलों ने श्रीनगर में एक बड़े आत्मघाती हमले की साजिश को नाकाम बनाते हुए दो आतंकियों को एक मुठभेड़ में मार गिराया। इस दौरान आतंकियों का एक मददगार आतंकियों की ही गोली की चपेट मेें आकर मारा गया। मरने वालों में एक त्राल का 11 दिन पुराना आतंकी समीर अहमद तांत्रे और दूसरा जम्मू संभाग में बनिहाल का रहने वाला आमिर है। पिछले 24 घंटों के दौरान श्रीनगर शहर में यह दूसरी मुठभेड़ है। इससे पहले गत रविवार शाम को नवाकदल में आतंकी पुलिस दल पर अचानक हमला कर भाग गए। हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। संबंधित पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मघाती हमले को अंजाम देने के लिए आतंकियों के शहर में घुसने की सूचना पर सुरक्षा बढ़ाई गई थी। आतंकियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश भी दी जा रही थी।
जुब्बल-नावर-कोटखाई में बाग़वानी, पर्यटन और विकास के कार्य को गति दी जाएगी। यह बात नव निर्वाचित कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने कोटखाई में आयोजित जन आभार कार्यक्रम के दौरान कोटखाई की जनता को सम्बोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई के उप-चुनाव में कांग्रेस पार्टी का सीधा मुकाबला प्रदेश की भाजपा सरकार से था। प्रदेश की भाजपा सरकार ने पूरा कैबिनेट जुब्बल-नावर-कोटखाई में उतार दिया था और बड़े-2 विजन और घोषणाओं से जनता को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन क्षेत्र की प्रबुद्ध जनता ने अपनी बुद्धिमता और विवेकता का परिचय देते हुए, अपार स्नेह और समर्थन के साथ कांग्रेस पार्टी को जीत दिलवाई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही एक समान दृष्टिकोण के साथ संतुलित और समग्र विकास करने का प्रयास किया है और रुकें पड़े विकास कार्य को गति दी जाएगी। रोहित ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में सीए स्टोर स्थापित करने और पर्यटन में अपार संभावनाओं को देखते हुए क्षेत्र में स्थानों को चिन्हित कर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उप-चुनाव से पूर्व भाजपा सरकार ने दो उपमंडल, विकास खंड और उप तहसील खोलने की घोषणा की है। उसे भी अमलीजामा पहनाया जाएगा। रोहित ठाकुर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उप चुनाव में निरंतर संघर्ष और मेहनत कर कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाने पर आभार जताया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्रिहोत्री ने बताया कि जिला में कोरोना रोधी वैक्सीनेशन के लिए साप्ताहिक शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 16 नवंबर को इन स्थानों पर लगाए जाएंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सीएचसी गलोड़, स्वास्थ्य उपकेंद्र जंगलरोपा, सनाही, पीएचसी सलौणी, मोबाइल टीम धनेड, स्वास्थ्य उपकेंद्र नारा, कोटलू, नागरिक अस्पताल नादौन, पीएचसी चौड़ू, सेरा, धनेटा, स्वास्थ्य उपकेंद्र पुतडिय़ाल, झलाण, कलूर, मोबाइल टीम, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, स्वास्थ्य उपकेंद्र उटपुर, पीएचसी कोट, कुठेड़ा, स्वास्थ्य उपकेंद्र झनियारी, अमरोह, स्वाहल, मटटनसिद्ध, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी चबूतरा, स्वास्थ्य उपकेंद्र रंगड़, करोट, स्वास्थ्य उपकेंद्र दैण-रोपड़ी, पीएचसी भोटा, सीएचसी बिझड़ी, स्वास्थ्य उपकेंद्र सोहारी, पीएचसी ननावां, चकमोह, गारली, बड़ाग्रां, नागरिक अस्पताल बड़सर, नागरिक अस्पताल भोरंज, पीएचसी जाहू, भरेड़ी, मैड़, बलोखर, डेरा परोल, स्वास्थ्य उपकेंद्र खरवाड़, जमली, चंदरूही, पंजोत, अमनेड, टोहू, टिप्पर, मोबाइल टीम पथलियार और मोबाइल टीम बगवाड़ा। 17 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सीएचसी गलोड़, पीएचसी नालटी, कांगू, कश्मीर, स्वास्थ्य उपकेंद्र करेर, पपलाह, मोबाइल टीम धनेड, नागरिक अस्पताल नादौन, पीएचसी चौड़ू, सेरा, रैल, स्वास्थ्य उपकेंद्र बलडूहक, ग्वालपत्थर, जलाड़ी, बेला, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, स्वास्थ्य उपकेंद्र ठाणा लोहारां, बलोह, चलोखर, बजूरी, पीएचसी कुठेड़ा, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र लंबलू, स्वास्थ्य उपकेंद्र ब्ल्यूट, पौहंज, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी गुब्बर, पटलांदर, जंगलबैरी, चौरी, स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाल, समताणा, पीएचसी भोटा, सीएचसी बिझड़ी, स्वास्थ्य उपकेंद्र कठियाणा, पीएचसी ननावां, चकमोह, स्वास्थ्य उपकेंद्र बडडू, मोबाइल टीम गारली, स्वास्थ्य उपकेंद्र जमली-महारल, नागरिक अस्पताल भोरंज, पीएचसी जाहू, बगवाड़ा, महल, कड़ोहता, स्वास्थ्य उपकेंद्र धमरोल, बधाणी, टिक्कर सनेहड, धीरवीं, बालू, जोल, पंजोत-अवाहदेवी, नागरिक अस्पताल बड़सर, मोबाइल टीम भरेड़ी और मोबाइल टीम नादौन। 18 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सीएचसी गलोड़, स्वास्थ्य उपकेंद्र जंगलरोपा, तेलकर, पीएचसी सलौणी, स्वास्थ्य उपकेंद्र हड़ेटा, मोबाइल टीम धनेड, नागरिक अस्पताल नादौन, पीएचसी चौड़ू, सेरा, धनेटा, स्वास्थ्य उपकेंद्र भूंपल, मोबाइल टीम, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, स्वास्थ्य उपकेंद्र दड़ूही, नेरी, पीएचसी कुठेड़ा, स्वास्थ्य उपकेंद्र चमनेड, धरोग, पीएचसी कोट, स्वास्थ्य उपकेंद्र कलंझड़ी, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी पटलांदर, चबूतरा, स्वास्थ्य उपकेंद्र डूहक, बीड़ बगेहड़ा, पीएचसी भोटा, स्वास्थ्य उपकेंद्र धंगोटा, पीएचसी ननावां, स्वास्थ्य उपकेंद्र कनोह, मोबाइल टीम कलवाल, पीएचसी गारली, स्वास्थ्य उपकेंद्र जजरी, नागरिक अस्पताल बड़सर, सीएचसी बिझड़ी, नागरिक अस्पताल भोरंज, पीएचसी भरेड़ी, बलोखर, जाहू, स्वास्थ्य उपकेंद्र चौकी कनकरी, हनोह, नगरोटा, कंजयाण, खुथड़ीं, बुमाणा, बडैहर और मोबाइल टीम महल। 19 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, पीएचसी कुठेड़ा, स्वास्थ्य उपकेंद्र दड़ूही, ख्याह, झनियारी, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी जाहू, बगवाड़ा, महल, कड़ोहता, स्वास्थ्य उपकेंद्र उखली, दिम्मी, भलवाणी, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडखर, स्वास्थ्य उपकेंद्र अम्मण, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र समीरपुर और मोबाइल टीम जाहू। 20 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, सीएचसी गलोड़, स्वास्थ्य उपकेंद्र ब्राहलड़ी, पनसाई, पीएचसी कश्मीर, धनेड, मोबाइल टीम सलौणी, नागरिक अस्पताल नादौन, पीएचसी चौड़ू, सेरा, धनेटा, स्वास्थ्य उपकेंद्र बसारल, कलूर, मोबाइल टीम, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, स्वास्थ्य उपकेंद्र अणु, झनियारा, पीएचसी कुठेड़ा, स्वास्थ्य उपकेंद्र भीड़ा, बोहनी, पीएचसी उहल, बचत भवन हमीरपुर, पीएचसी कोट, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, पीएचसी चौरी, गुब्बर, चबूतरा, स्वास्थ्य उपकेंद्र धमडिय़ाणा, झरनोट, पीएचसी भोटा, सीएचसी बिझड़ी, स्वास्थ्य उपकेंद्र पैहरवीं, पीएचसी ननावां, चकमोह, मोबाइल टीम चकमोह, स्वास्थ्य उपकेंद्र हरसौर, पीएचसी बड़ाग्रां, नागरिक अस्पताल बड़सर, नागरिक अस्पताल भोरंज, पीएचसी भरेड़ी, जाहू, बलोखर, चंबोह, मैड़, स्वास्थ्य उपकेंद्र लुददर महादेव, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र लदरौर, स्वास्थ्य उपकेंद्र धमरोल, चौकी कनकरी-डिडवीं, कंजयाण-आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र हिम्मर और मोबाइल टीम कड़ोहता-मैड़। 21 नवंबर को इन स्थानों पर लगेंगे कोरोना रोधी टीके : मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर, पीएचसी सलौणी, नालटी, नागरिक अस्पताल सुजानपुर, नागरिक अस्पताल टौणी देवी, पीएचसी उहल और स्वास्थ्य उपकेंद्र नेरी।
पांच 'चिंतन शिविरों' की अध्यक्षता कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों की प्रस्तुतियों और कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस शिविर में 77 मंत्रियों को आठ समूहों में बांटा गया, जिनमें से हर एक के लिए एक को समन्वयक चुना गया। बैठक को 'चिंतन शिविर' कहा गया, जो कार्य दक्षता और शासन-प्रशासन में समग्र सुधार के लिए एक चिंतन सत्र था। ऐसे कुल पांच सत्र आयोजित किए गए- व्यक्तिगत दक्षता, केंद्रित कार्यान्वयन, मंत्रालय के कामकाज और हितधारकों को जोड़ना, पार्टी समन्वय और प्रभावी संचार पर एक-एक और अंतिम संसदीय प्रथाओं पर सत्र आयोजित किया गया था। पहले सत्र में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मनसुख मंडाविया ने व्यक्तिगत दक्षता पर प्रस्तुतियां दीं, दूसरे का नेतृत्व पीयूष गोयल और गजेंद्र शेखावत ने किया, प्रस्तुति देने वाले अन्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी (कार्य और हितधारक), अनुराग सिंह ठाकुर (पार्टी समन्वय और प्रभावी संचार) और प्रल्हाद जोशी (संसदीय कार्य मंत्री ) थे। आखिरी बैठक में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू को भी विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। ये सभी बैठकें मुख्य रूप से मोदी सरकार की दक्षता और वितरण प्रणाली में सुधार पर केंद्रित थीं। स्मृति ईरानी ने उस समूह का नेतृत्व किया जो सभी मंत्रालयों की जानकारी देगा, मंडाविया कार्यालय निगरानी प्रणालियों पर ध्यान केंद्रित करेगा और हरदीप पुरी लर्निंग ग्रूप नेतृत्व किया। अनुराग सिंह ठाकुर को उस समूह का नेतृत्व करने का काम सौंपा गया है जो दूसरों के काम की समीक्षा करेगा, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, नरेंद्र सिंह तोमर और प्रल्हाद जोशी के नेतृत्व में कई अन्य समूह बनाए गए हैं। मोदी सरकार 'सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास' की नीति को आगे बढ़ाते हुए आगे बढ़ना चाहती है, ये बैठकें उन मंत्रियों के लिए महत्व रखती हैं जिन्हें कैबिनेट में फेरबदल के बाद सरकार में लाया गया था।
कांग्रेस नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की किताब 'सनराइज ओवर अयोध्या : नेशनहुड इन ऑवर टाइम्स' में हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस और बोको हराम जैसे कुख्यात आतंकी संगठनों से की गई है। इस किताब में हिंदुत्व को लेकर जो कुछ कहा गया है, उस पर विवाद हो गया है और खुर्शीद एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने इस किताब में हिन्दुत्व की तुलना आतंकी संगठन बोको हराम और आईएसआईएस से करने पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सिर्फ हिन्दू ही नहीं बल्कि भारत की आत्मा को भी ठेस पहुंचाती है। इस मामले में खुर्शीद के खिलाफ दिल्ली पुलिस से शिकायत भी की गई है। यूपी समेत 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव से पहले आई खुर्शीद की इस किताब पर उठा विवाद और ज्यादा तूल पकड़ सकता है। उधर, खुर्शीद के खिलाफ पार्टी के अंदर से भी विरोध की आवाज बुलंद होने लगी है। कांग्रेस के G-23 नेताओं की खिलाफत करने वाले सलमान खुर्शीद पर पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने सीधा हमला बोला है। आजाद ने खुर्शीद की पुस्तक का उल्लेख करते हुए ट्वीट किया, ‘हम भले ही हिंदुत्व को हिंदू धर्म की मिली जुली संस्कृति से अलग एक राजनीतिक विचारधारा मानकर इससे असहमति जताएं, लेकिन हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस और जेहादी इस्लाम से करना तथ्यात्मक रूप से गलत और अतिशयोक्ति है। सलमान खुर्शीद की किताब के जिस अंश पर सबसे ज्यादा विवाद हुआ है, वह है कट्टर जिहादी और कुख्यात आतंकी संगठनों से हिंदुत्व की तुलना। 'द सैफ्रन स्काई' नाम के खुर्शीद लिखते हैं, 'साधु-संत जिस सनातन धर्म और क्लासिकल हिंदुइज्म को जानते हैं, उसे किनारे करके हिंदुत्व के ऐसे वर्जन को आगे बढ़ाया जा रहा है। जो हर पैमाने पर आईएसआईएस और बोको हराम जैसे जिहादी इस्लामी संगठनों के राजनीतिक रूप जैसा है।' उनका कहना है कि हिंदुत्व का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया जाता है। चुनावी रैलियों में इसका जिक्र होता है। पर जो भी हो सलमान खुर्शीद द्वारा हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठनों से करना देश के करोड़ों हिन्दुओं को स्वीकार्य नहीं हो सकता। ये शर्मनाक है, ये अस्वीकार्य है और कोई भी तर्क देकर इसे जायज नहीं ठहराया जा सकता। हिंदुत्व सिर्फ धर्म नहीं है, ये जीने की पद्धति है।
जिला किन्नौर में 11 नवंबर से 13 नवंबर तक आयोजित उपमंडल स्तर का बाल विज्ञान सम्मेलन का रविवार को समापन हुआ। इस बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ 11 नवंबर को शिक्षा उपनिदेशक प्रारंभिक किन्नौर अशोक नेगी द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया था जबकि समापन परियोजना अधिकारी डाइट किन्नौर कुलदीप नेगी द्वारा किया गया। इस सम्मेलन में जिला के तीनों खंडों के लगभग 449 बाल वैज्ञानिकों ने ऑनलाइन भाग लिया। इस कार्यक्रम में मैथमेटिकल ओलंपियाड, प्रश्नोत्तरी, साइंस एक्टिविटी व साईंस मॉडल आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसके लिए तीन नियंत्रण कक्ष बनाए गए थे। विज्ञान पर्यवेक्षक गणेश नेगी ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे बाल विज्ञानक 7,8 व 9 दिसंबर को अपने खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे तथा साईटिफिक परियोजना रिपोर्ट के अनुसार जिला स्तर पर भाग लेंगे।
गढ़चिरौली के जंगलों में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। इस मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस की C-60 युनिट ने 26 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। मुठभेड़ में पुलिस के चार जवान घायल हुए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है. बड़ी मात्रा मे नक्सल सामग्री बरामद हुई है। इलाके का मुआयना किया जा रहा है। कई और नक्सलियों के मारे जाने की उम्मीद है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस की कमांडो टीम को सूचना मिली थी कि कुछ नक्सली छत्तीसगढ़ के जंगलों से गढ़चिरौली जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई से करीब 920 किलोमीटर दूर जिले के ग्यारहबत्ती वन क्षेत्र के धनोरा में शनिवार सुबह पुलिस की टीम के तलाशी अभियान के दौरान मुठभेड़ शुरू हुई।
महाराष्ट्र के अमरावती में ‘बंद’ के दौरान हिंसा की घटनाओं के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया और इंटरनेट सेवाएं भी तीन दिनों तक बंद कर दी गईं। पुलिस ने बताया कि बीजेपी की ओर से कथित तौर पर बुलाए गए बंद के दौरान शनिवार सुबह उग्र भीड़ ने दुकानों पर पथराव किया। त्रिपुरा में हुई सांप्रदायिक घटना के विरोध में अमरावती में मुस्लिम संगठनों द्वारा शुक्रवार को आयोजित रैली के दौरान हुए पथराव के विरोध में शनिवार को बंद का आह्वान किया गया था। शुक्रवार और शनिवार को पथराव की घटनाएं होने के बाद किसी अप्रिय घटना को टालने के लिए, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संदीप पाटिल ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 (1), (2), (3) के तहत शहर में कर्फ्यू लगा दिया, आदेश के अनुसार, चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति को छोड़कर लोगों को अपने घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं है और किसी एक जगह पर पांच से ज्यादा लोगों के एकत्र होने की भी इजाजत नहीं है। त्रिपुरा में हुई घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को मुस्लिम संगठनों ने अमरावती, नांदेड़, मालेगांव, वाशिम और यवतमाल में रैलियां निकाली थीं और इस दौरान पथराव की घटनाएं हुई थीं। शुक्रवार को हुई घटनाओं के संबंध में पुलिस ने अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है और चार अन्य को हिरासत में लिया है।
मणिपुर में सेना की टुकड़ी पर आईडी हमले की खबर सामने आई है। असम राइफल्स के सीओ समेत 4 जवान शहीद हो गए। वहीं, अफसर के परिवार के दो सदस्यों की भी मौत इस हमले में हो गई। बताया जा रहा है कि मणिपुर के चुराचांदपुर जिले के सिंघाट में यह हमला हुआ है। यहां असम राइफल्स के कमांडिंग आफिसर के काफिले पर आतंकियों ने हमला किया। काफिले में कमांडिंग ऑफिसर के परिवार के सदस्य और क्विक एक्शन टीम के सदस्य मौजूद थे। आतंकी हमले में सीओ, क्विक एक्शन टीम के तीन जवान और सीओ के परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई।
देश की आजादी को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा दिए गए विवादित बयान की अब हर तरफ निंदा हो रही है। शनिवार को मंडी जिला में एनएसयूआई संगठन ने कंगना रनौत का पुतला जलाकर जमकर नारेबाजी की और पदमश्री पुरुस्कार कंगना से वापिस लेने के नारे लगाए गए। एनएसयूआई के जिला महासचिव अरविंद कुमार ने कहा कि जिस तरह से अभिनेत्री कंगना रनौत ने देश की आजादी को लेकर विवादित बयान दिया है उसे पूरे प्रदेश में आक्रोश है। इस मौके पर हरविंदर कुमार ने बताया कि कंगना रनौत ने देश के हजारों स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया है और अगर वह जल्दी अपने बयान पर सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मानती हैं तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी आग्रह किया है कि देश के खिलाफ बोलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनसे पदमश्री अवार्ड को भी वापिस लेना चाहिए।
प्रदेश हाईकोर्ट ने जेबीटी बैचवाइज भर्ती मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। जस्टिस तरलोक सिंह चौहान और जस्टिस सत्येन वैद्य की खंडपीठ ने पुष्पा देवी व अन्यों द्वारा दायर याचिकाओं पर हुई सुनवाई के पश्चात फैसला सुरक्षित रख लिया। प्रार्थियों का कहना है कि वे बीएड पास हैं और 28 जून 2018 की एनसीटीई की अधिसूचना के तहत जेबीटी के इन पदों के लिए वे पात्रता रखते हैं। परन्तु सरकार उन्हें इस अधिसूचना का लाभ नहीं दे रही है। याचिकाकर्ताओं ने मांग की है कि उन्हें भी जेबीटी बैचवाइज भर्ती के लिए साक्षात्कार के लिए बुलाया जाए व इन पदों के लिए कंसीडर किया जाए।
पिछले महीने त्रिपुरा में हुई हिंसा के खिलाफ महाराष्ट्र के अमरावती में प्रदर्शन हो रहे हैं। कल कुछ संगठनों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों की ओर से दुकानों पर पथराव करने के बाद इलाके के कई हिस्सों में तनाव फैल गया है। इस घटना को लेकर आज बीजेपी ने बंद बुलाया है। बंद के दौरान हिंसा की कई घटनाएं हुईं है। जिसके बाद एनसीपी नेता और महाराष्ट्र में मंत्री नवाब मलिक ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।
तमिलनाडु के चेन्नई व अन्य हिस्सों में मूसलाधार बारिश आफत बन कर सामने आयी है। तमिलनाडु में बारिश के कारण मवेशियों का भी बुरा हाल है। सप्ताह भर से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण लोगों के पास रहने और खाने की समस्या हो गई है। आसमानी आफत से लोगो का जीवन पूरी तरह से बिखर चुका है। बारिश थमने का नाम नहीं ले रही और बड़ी संख्या में लोग बेघर हो गए हैं। इस के बीच राहत भरी खबर यह है कि तमिलनाडु में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन में इंसानों के साथ ही साथ जानवरों को भी बचाने का ऑपरेशन शुरू हो चुका है। पूरे तमिलनाडु में अब तक 15 हजार से ज्यादा लोगों को बचाया गया है, इन्हें 290 से अधिक राहत केंद्रों में रखा गया है। बड़ी संख्या में जानवरों को बचाया जा रहा है। पूर्वोत्तर में सक्रिय मानसून केरल के लिए खतरा बन रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने 13 नवंबर को केरल के छह जिलों और 14 नवंबर को पांच जिलों में भारी बारिश के संकेत दिए हैं। विभाग की ओर से इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इस गंभीर मुद्दे पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर नाराजगी जाहिर की है। मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना ने कहा कि वायु प्रदूषण से दिल्ली-एनसीआर में गंभीर स्थिति पैदा हो गई है। हमें घर पर भी मास्क पहनना पड़ेगा। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से पूछा कि प्रदूषण से निपटने के लिए उसने क्या कदम उठाए हैं। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन लगाने पर भी विचार हो।
कोविड प्रोटोकॉल में रेलवे ने ट्रेनों को स्पेशल कैटेगरी में चलाने की शुरुआत की थी। लेकिन भारतीय रेल 20 महीने के बाद एक बार फिर से कोविड-19 के समय में उठाए गए कदम को वापस ले रही है। अब ट्रेनें कोविड-19 से पहले की तरह सामान्य चलेगी और किराया भी पहले की तरह होगा। भीड़ को नियत्रण करने के उद्देश्ये से स्पेशल कैटेगरी ट्रेनों का किराया सामान्य ट्रेनों के मुकाबले 30 प्रतिशत ज्यादा होता है। ट्रेनों में अब 0 भी नहीं लगेगा और वे पुराने नंबर से ही चलेंगी। सेकेंड क्लास में कोविड के चलते आरक्षण अब भी जरूरी होगा। हालांकि रेलवे का कहना है कि मुसाफिरों के लिए सावधानी अब भी जरूरी है। फिलहाल 95 फीसदी मेल एक्सप्रेस ट्रेनें पटरी पर लौट चुकी हैं। लेकिन इनमें से करीब 25 फीसदी ट्रेनें अभी भी स्पेशल कैटेगरी में चल रही हैं और इन ट्रेनों में 30 फीसदी ज्यादा किराया लागू है। इसके अलावा पैसेंजर ट्रेनों में भी करीब 70 फीसदी ट्रेनों को मेल एक्सप्रेस का दर्जा दिया गया है, जिससे उनके लिए भी मुसाफिरों को ज्यादा किराया चुकाना पड़ता है। रेलवे ने कोविड की वजह से उठाए गए कदम वापस ले लिए हैं। लेकिन रेलवे ने अपने ताज़ा आदेश में अभी ट्रेनों में कम्बल, चादर और तकिया यानी बेड रोल की वापसी की बात नहीं की है तथा इसके साथ ही रेलवे ने ट्रेनों में ताज़ा पका खाना फिर से देने की बात भी नहीं कही है।
26 जनवरी 2022 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के दौरान आजादी का अमृत महोत्सव थीम पर झांकियां बनाई जानी है। प्रदेश के भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से प्रदेश के पहले गोलीकांड की झांकी बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। शुक्रवार को देश भर से आई झांकियों के प्रस्तावों को लेकर छंटनी बैठक हुई। पहले चरण की बैठक में हिमाचल सरकार का डिजाइन पास हो गया है। शनिवार को दूसरे दौर की बैठक में डिजाइन में और सुधार करने पर मंथन होगा। नवंबर के अंत में झांकी को परेड में शामिल करने का अंतिम फैसला होगा। हिमाचल प्रदेश के धामी गोलीकांड की झांकी गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बन सकती है। इस बैठक में हिमाचल सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब झांकी के मॉडल को चयन समिति को भेजा जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि छंटनी बैठक में हिमाचल का प्रस्ताव पास होने से उम्मीदें बढ़ गई हैं। स्वतंत्रता संग्राम में धामी गोलीकांड विशेष महत्व रखता है। हिमाचल से ब्रिटिश हुकूमत की दमनकारी नीतियों के खिलाफ यहां के लोगों ने आंदोलन का जो बिगुल फूंका था। इसकी गूंज पूरे देश में सुनाई पड़ी थी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज एक विशेष समारोह में साल 2021 के राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान करेंगे। केन्द्रीय युवा कल्याण और खेल मंत्रालय की ओर से हर साल खेल में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इस साल ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा समेत 12 खिलाडियों को मेजर ध्यानचंद खेलरत्न पुरस्कार, 35 खिलाडियों को अर्जुन पुरस्कार, 10 को द्रोणाचार्य पुरस्कार और 5 खिलाडियों को ध्यानचंद जीवनगौरव पुरस्कार दिए जायेंगे। दो संस्थाओं को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार से पुरस्कृत किया जायेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को उत्तरप्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उदघाटन करेंगे। इस दौरान वह वायुसेना के सी-130जे सुपर हरक्युलिस एयरक्राफ्ट से एक्सप्रेसवे पर ही बनी खास एयर-स्ट्रीप पर उतरेंगे। बताया जा रहा है कि उद्घाटन समारोह में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वायुसेना का एक एयर-शो भी होगा। जानकारी मिली है कि उद्घाटन के दौरान भारतीय वायुसेना के दो सी-130जे मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट एक्सप्रेसवे पर बनी खास हवाआ पट्टी पर उतरेंगे। एक सी-130जे पर पीएम मोदी वायुसेना के अधिकारियों के साथ होंगे। पीएम मोदी की मौजूदगी में भारतीय वायुसेना के छह फाइटर जेट्स भी लैंडिंग, टेकऑफ और टक डाउन ऑपरेशन्स करेंगे। इन लड़ाकू विमानों में दो सुखोई, दो मिराज और दो ही जगुआर शामिल होंगे। बता दें कि अब देश में ऐसे हाईवे और एक्सप्रेस वे बनाए जा रहे हैं, जिनपर वायुसेना के ऑपरेशन्स को अंजाम दिया जा सके। क्योंकि युद्ध के समय में दुश्मन देश सबसे पहले रनवे और हवाई पट्टियों को निशाना बनाती है। ऐसे में हाईवे और एक्सप्रेसवे पर बनी हवाई पट्टी पर लड़ाकू विमान और मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट लैंडिंग और टेकऑफ कर सकते हैं। सितंबर के महीने में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पाकिस्तानी सीमा से सटे बाडमेर में भी एक नेशनल हाईवे पर एक ही ऐसा ही हवाई पट्टी का उदघाटन किया था। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने सी-130जे एयरक्राफ्ट से हाईवे पर लैंडिंग की थी।
सरकारी तेल कंपनियों की ओर से आज नौवें दिन भी पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। आज भी पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव न होने से उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है। बुधवार को आम आदमी को राहत देते हुए तेल के दामों में बड़ी गिरावट की गई थी। इससे पहले कई राज्यों में डीजल के दाम 100 रुपये से ऊपर पहुंच चुके थे। देश में रोजाना बढ़ते पेट्रोल-डीजल के दाम आम आदमी की आमदनी पर असर डाल रहे थे। दिल्ली में पेट्रोल का दाम 103.97 रुपये जबकि डीजल का दाम 86.67 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 109.98 रुपये व डीजल की कीमत 94.14 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल का दाम 104.67 रुपये जबकि डीजल का दाम 89.79 रुपये लीटर है। वहीं चेन्नई में भी पेट्रोल 101.40 रुपये लीटर है तो डीजल 91.43 रुपये लीटर है। बता दें कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में पेट्रोल का भाव 100 रुपये पार हो चुका है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत सबसे अधिक है।
मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को जमानत मिल चुकी है लेकिन हर शुक्रवार उसे एनसीबी के सामने पेश होना होता है। अदालत द्वारा जमानत की शर्तों में यह एक बात भी शामिल है। ऐसे में शुक्रवार को आर्यन खान एनसीबी दफ्तर पहुंचा था। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबित शाम को भी आर्यन खान मुंबई की स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम के सामने पेश हुआ जहां इस मामले में उसका बयान दर्ज किया गया। शुक्रवार को दिन में एनसीबी के सामने हाजिरी लगाने के बाद आर्यन ने एसआईटी के सामने भी पेशकश दर्ज की। रिपोर्ट्स के अनुसार आर्यन से एनसीबी के डेप्यूटी डायरेक्टर जनरल संजय कुमार सिंह ने करीब आधी रात तक सवाल जवाब किए। आर्यन से नवी मुंबई से आरएएफ कार्यालय में पूछताछ की गई। अदालत द्वारा अनिवार्य उपस्थिति के लिए एनसीबी दफ्तर छोड़ने के बाद आर्यन नवी मुंबई के लिए रवाना हो गया। रिपोर्ट्स की मानें तो आर्यन से उन परिस्थितियों के बारे में पूछताछ की गई जिसमें वह क्रूज पर चढ़ा, उसके ड्रग्स सप्लायर के लिंक्स और उसके दोस्तों और उनकी ड्रग्स की आदतों के बारे में सवाल जवाब किए गए।
पंजाब सरकार ने जनवरी में गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। इस साल गणतंत्र दिवस पर किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के बाद दिल्ली में गिरफ्तार किए गए 83 लोगों के लिए आर्थिक मदद की घोषणा की गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने गिरफ्तार किए गए 83 प्रदर्शनकारियों को 2-2 लाख की मदद देने की बात कही है। हालांकि पंजाब सरकार के इस कदम से एक विवाद छिड़ने की संभावना भी दिख रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक ट्वीट में पुष्टि की है कि उनकी सरकार दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों को मुआवजा देगी। उन्होंने कहा, "तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध का समर्थन करने के लिए मेरी सरकार के रुख को दोहराते हुए, हमने 26 जनवरी 2021 को राष्ट्रीय राजधानी में ट्रैक्टर रैली करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 83 लोगों को 2 लाख रुपए मुआवजा देने का फैसला किया है।" बता दें कि खासकर पंजाब और हरियाणा के किसान तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में एक साल से दिल्ली के आसपास डेरा डाले हुए हैं। किसानों का आरोप है कि सरकार इस कानून के जरिए कृषि को निजी हाथों में नियंत्रण देना चाहती है। हालांकि केंद्र ने इस आरोप का खंडन किया है। फिलहाल किसान कानून को वापस लेने की अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। प्रदूषण के स्तर पर नजर रखने रखने वाली संस्था सफर ने अगले तीन दिन स्थिति और गंभीर होने की चेतावनी दी है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने लोगों को घरों से बाहर जाने से बचने की सलाह दी। आज प्रदूषण के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई होगी। वंही दिल्ली में आज प्रदूषण का हाल कल से ज़्यादा खराब है। कल जहां दिल्ली का एक्यूआई 462 दर्ज किया गया था, वहीं आज एक्यूआई 541 दर्ज किया गया है। प्रदूषण के स्तर पर नजर रखने रखने वाली संस्था सफर ने हानिकारक हवा के स्तर की चेतावनी दी है। आने वाले तीन दिनों में पीएम 10 का स्तर 606 तक जा सकता है।
अभिनय से ज्यादा विवादों की वजह से चर्चा में रहने वाली एक्ट्रेस को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है। इतना ही नहीं उनसे पद्मश्री अवार्ड वापस लेने की मांग की जा रही है। कंगना रणौत के 2014 में आजादी मिली वाले बयान पर हंगामा मच गया है। महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि कंगना ने स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन का मजाक भी उड़ाया है। ऐसे में उन पर उचित कार्रवाई की जाए और उनसे पद्म श्री वापस लिया जाए। कंगना ने निजी इंटरव्यू में कहा, "वो आजादी नहीं थी वो भीख थी और जो आजादी मिली है वो 2014 में मिली है।" कंगना ने साथ में यह भी कहा कि इस बयान के बाद उनके खिलाफ दस और एफआईआर दर्ज होंगे। कंगना के इस बयान के बाद बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने लिखा, कभी महात्मा गांधी जी के त्याग और तपस्या का अपमान, कभी उनके हत्यारे का सम्मान, और अब शहीद मंगल पाण्डेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का तिरस्कार। इस सोच को मैं पागलपन कहूँ या फिर देशद्रोह? वहीं "आप" की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य प्रीति शर्मा मेनन ने अभिनेत्री कंगना रणौत के खिलाफ मुंबई पुलिस से शिकायत कर मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
भारी बारिश की मार झेल रहा चेन्नई शहर से एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि भारी बारिश के दौरान श्मशान घाट में काम करने वाला एक युवक अचानक बेहोश हो जाता है। टीपी चेतराम पुलिस स्टेशन की इंस्पेक्टर राजेश्वरी उस बेहोश व्यक्ति को अपने कंधे पर उठाकर ले जाती है। पहले एक कार की बूट स्पेस में लादने का प्रयास किया जाता है लेकिन राजेश्वरी कहती हैं कि इसमें नहीं जा पाएगा। इसके बाद वह उसे लेकर सड़क पर तेजी से दौड़ती हैं। सड़क पर एक ऑटो देखकर वह उसे रुकवाती हैं और युवक को उसमें बिठाकर साथ के एक व्यक्ति को उसे अस्पताल ले जाने के लिए कहती हैं। वीडियो में राजेश्वरी ने कहा, ‘पहले मैंने उस युवक को फर्स्ट एड दिया और फिर कंधे पर लेकर गई। संयोग से वहां एक ऑटो आ गया और हमने उसे अस्पताल भेजा। बाद में मैं भी अस्पताल गई, उसकी मां वहां आ गई थी। डॉक्टर ने कहा कि घबराने वाली कोई बात नहीं है।’ सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हुआ है। लोग इंस्पेक्टर राजेश्वरी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कोई उन्हें असल जिंदगी की सूर्यवंशी बता रहा है तो महिला सशक्तीकरण की असल मिसाल। अभिनेता से नेता बने कमल हसन ने ट्विटर पर लिखा, एक बेहोश व्यक्ति की जान बचाने के लिए इंस्पेक्टर राजेश्वरी की कर्तव्यपरायणता प्रेरणास्पद है। उनका साहस और सेवा भाव जबरदस्त है। इस तरह के वीडियो देख कर लगता है की इंसानियत, मदद और कर्तव्य परायणता जैसे शब्दों को नए अर्थ दिए गए हैं।
त्यौहारी सीजन में सोने की कीमत में आई तेजी के बाद अब कुछ राहत नजर आ रही है। शुक्रवार को सोने का भाव 0.29 फीसदी कम हो गया और 49,075 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गया। इसके साथ चांदी की कीमत में भी थोड़ी कमी आई है। आभूषण बनाने के लिए ज्यादातर 22 कैरेट सोने का ही इस्तेमाल होता है। कुछ लोग 18 कैरेट सोने का भी इस्तेमाल करते हैं। आभूषण पर कैरेट के हिसाब से हॉल मार्क बना होता है। 24 कैरेट सोने के आभूषण पर 999 लिखा होता है, जबकि 23 कैरेट पर 958, 22 कैरेट पर 916, 21 कैरेट पर 875 और 18 कैरेट पर 750 लिखा होता है। देश भर में सोने के आभूषणों की कीमत उत्पाद शुल्क, राज्य करों और मेकिंग चार्ज के कारण बदलती रहती है। सोने की कीमत उत्पाद शुल्क, राज्य कर और मेकिंग चार्ज के कारण अलग-अलग होती है।
भारत मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में सुबह के समय हल्के कोहरे के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अभी तक का सबसे कम तापमान है। दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति भयावह होती जा रही है। गुरुवार को आसमान में स्मॉग की मोटी परत छाई थी। राजधानी और आसपास इलाके में अगले दो दिन प्रदूषण कई गुना बढ़ जाने की संभावना है। इससे लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी, घुटन, गले और नाक में खराश जैसी समस्याएं हो रही हैं। दिल्ली-एनसीआर में मौजूदा कोहरे का कहर एक और दिन जारी रह सकता है। अपेक्षाकृत तेज हवाओं की स्थानीय परिस्थितियों के बावजूद इस साल कोहरे की लंबी अवधि का कारण शहर में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की कमी हो सकती है।
सोनीपत में पहलवान निशा दहिया और उसके भाई सूरज दहिया मर्डर केस का मुख्य आरोपी कोच पवन कुमार और सचिन फरार है। इन दोनों के सिर पर एक लाख का इनाम है। कोच पवन कुमार की पत्नी सुजाता और साले अमित को SIT ने दबोच लिया है। इस घटना के बाद निशा के गांव हलालपुर में तनाव है। भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पिछले कल पहलवान निशा दहिया और सूरज दहिया का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द से जल्द मुख्य आरोपी पवन और सचिन सलाखों के पीछे होंगे। निशा के परिवार का आऱोप है कि कोच पवन निशा से छेड़छाड़ करता था और पैसे ऐंठता था। निशा और सूरज दहिया की हत्याकांड में परिवार और ग्रामीणों की मांग है कि मुख्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो। दोषियों को फांसी की सजा मिले और महिला खिलाड़ियों के लिए महिला कोच की नियुक्ति हो।
कुलगाम में एनकाउंटर का शुक्रवार को दूसरा दिन है। मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया है। इससे पहले, जम्मू कश्मीर में श्रीनगर और कुलगाम जिलों में गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में दो आतंकवादी मारे गए थे। अधिकारिक जानकारी के अनुसार अंतिम रिपोर्ट मिलने तक मुठभेड़ चल रही थी। इससे पहले दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ शुरू हो गयी थी। अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण कश्मीर में कुलगाम के चावलगाम इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने वहां घेराबंदी की तथा तलाश अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा बल इलाके में तलाशी ले रहे थे, तब आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
जीका वायरस ने कानपुर के बाद अब प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। सीएम योगी भी इसको लेकर समीक्षा बैठक कर चुके हैं, इसके बावजूद अब कानपुर के इलावा दूसरे शहरों में भी इसका प्रकोप बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशों के बाद भी जीका वायरस तेजी से फैल रहा है। अब लखनऊ में जीका के दो मरीज पाए गए हैं। कानपुर में पहले से ही जीका फैल रहा है। इसके अलावा कन्नौज में भी जीका वायरस का केस मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। लखनऊ के दो केस मिलाकर उत्तर प्रदेश में जीका के अब तक कुल 111 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं कानपुर में भी अब जीका की टेस्टिंग की सुविधा शुरू की जा चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जीका को लेकर समीक्षा बैठक भी कर चुके हैं। इस बैठक में जागरूकता बढ़ाने का फैसला भी लिया गया है।
कश्मीर में लगातार हो रहे टारगेट किलिंग की घटनाओं के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लेकिन इतनी सुरक्षा के बाद भी वीरवार को सुरक्षाबलों को कुलगाम के एक इलाके में आतंकियों कि मौजूदगी की सूचना मिली थी। जिसके बाद बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी और सेना के जवान मौके पर पहुंचे। सैन्य अधिकारियों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण के लिए कहा लेकिन उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेरा है। कश्मीर में इस साल अब तक 112 आतंकियों को मार गिराया गया है। केंद्र शासित प्रदेश में 135 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान में की है।
पाकिस्तान समर्थित आतंकियो का ग्रुप लगातार लाइन ऑफ कंट्रोल के जरिए जम्मू से होते हुए घाटी में घुसने की प्लानिंग बना रहे हैं और इसमें पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआईभी सीमा पार करने में लगातार उनकी मदद कर रही है। पिछले महीने उरी में भी आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की थी। जानकारी के मुताबिक अब इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी करेगी। पिछले महीने उरी में घुसपैठको विफल करते हुए भारतीय सेना के जवानों ने पाकिस्तानी आतंकी अली बाबर को पकड़ा था, जिससे लगातार पूछताछ की जा रही है। बाबर अली ने पूछताछ में बताया है कि उसे घुसपैठ के लिए पाकिस्तानी सेना से मदद मिली थी।
केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा 2021 के आयोजन में अब कुछ ही दिनों का समय बचा है और इस शिक्षक पात्रता परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अब बेसब्री से अपने एडमिट कार्ड का इंतजार कर रहे हैं। इस बार CTET, 16 दिसंबर 2021 से 13 जनवरी 2022 के बीच आयोजित की जानी है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली इस शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से 19 सितंबर से 25 अक्टूबर के बीच आवेदन मांगे गए थे। अभ्यर्थियों को 28 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच अपने आवेदन में सुधार का भी मौका दिया गया था। CTET में सफल होने के बाद अभ्यर्थी केंद्रीय सरकारी स्कूलों में शिक्षण कार्य के लिए पात्र माने जाते हैं। CTET प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद अभ्यर्थी केंद्रीय विद्यालय, नवोदय, आर्मी शिक्षक, ईआरडीवो जैसे केंद्रीय विद्यालयों में शिक्षक की नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही इसका प्रमाणपत्र रखने वाले अभ्यर्थी कुछ अन्य राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में भी शिक्षक की नौकरी के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसलिए अभ्यर्थियों को इन जगहों पर निकलने वाली शिक्षकों की भर्तियों के ऊपर ध्यान देना चाहिए।
पिछले कल सोनीपत में हुआ डबल मर्डर केस अब तूल पकड़ता जा रहा है। रेसलर निशा दहिया और उसके भाई का बुधवार को मर्डर मामले में हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए गांव वालों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। ऐसा आरोप है कि रेसलर निशा और उसके छोटे भाई की निशा के कोच ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। रेसलर निशा के पिता का आरोप है कि कोच ने उसे झांसा दिया नेशनल लेवल पर खेलने का। इसके साथ ही, वह निशा को परेशान भी करता था। एकेडमी के नाम पर बच्चों से कोच पैसे ठगता था। अभी तक ना तो हत्या की असली वजह का पता ही चल पाया है और ना ही आरोपी पकड़े गए हैं। निशा दहिया के कोच पवन पर अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या का आरोप है। एडिशनल एसपी मयंक गुप्ता का कहना है कि चार टीमें कल से लगी हुई हैं और कुछ लोगों को पकड़ा भी गया है। जो हमें शिकायत मिली है उसमें ये लिखा है कि जो कोच था वह अभद्र व्यवहार करता था।


















































