मोदी सरकार के प्रयासों से करीब 100 साल पहले वाराणसी से चुराई गई मां अन्नपूर्णा की मूर्ति कनाडा से वापस भारत आ गई है। ये मूर्ति 11 नवंबर यानी गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपी जाएगी। इस मूर्ति में मां अन्नपूर्णा के एक हाथ में खीर की कटोरी और दूसरे हाथ में चम्मच है। माना जा रहा है 18वीं शताब्दी की ये मूर्ति 1913 में काशी के एक घाट से चुरा ली गई थी, और फिर इसे कनाडा ले जाया गया था। जानकारी के अनुसार मां अन्नपूर्णा की ये मूर्ति कनाडा में एक विश्वविद्यालय में रखी गई थी। बीते 100 साल से यह मूर्ति यूनिवर्सिटी ऑफ रेजिना के मैकेंजी आर्ट गैलरी का हिस्सा थी। यह मामला उस समय सामने आया जब इस साल गैलरी में एक प्रदर्शनी की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान कलाकार दिव्या मेहरा की नजर इस मूर्ति पर पड़ी। उन्होंने इस मुद्दे को उठाया और फिर सरकार ने अपनी ओर से इसकी वापसी के प्रयास शुरु किये। मां अन्नापूर्णा की इस प्राचीन मूर्ति को 15 नवंबर के दिन काशी विश्वनाथ धाम में फिर से स्थापित किया जाएगा। इससे पहले 4 दिनों तक इस मूर्ति को 18 जिलों में दर्शन के लिए रखा जाएगा।
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर विवादों में हैं। कंगना रनौत पर इस बार बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने निशाना साधा है। वरुण गांधी ने कंगना पर स्वतंत्रता सेनानियों के अपमान का आरोप लगाया है और कहा है कि कंगना की सोच को मैं मैं पागलपन कहूं या फिर देशद्रोह है। दरअसल एक इंटरव्यू में कंगना रनौत ने आजादी को लेकर विवादित बयान दिया है। कंगना ने कहा, ‘’आजादी अगर भीख में मिले, तो क्या वो आजादी हो सकती है? सावरकर, रानी लक्ष्मीबाई, नेता सुभाषचंद्र बोस इन लोगों की बात करूं तो ये लोग जानते थे कि खून बहेगा लेकिन ये भी याद रहे कि हिंदुस्तानी-हिंदुस्तानी का खून न बहाए। उन्होंने आजादी की कीमत चुकाई, यकीनन। पर वो आजादी नहीं थी वो भीख थी। जो आजादी मिली है वो 2014 में मिली है।’’ कंगना के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए वरुण गांधी ने ट्विटर पर लिखा है, ‘’कभी महात्मा गांधी जी के त्याग और तपस्या का अपमान, कभी उनके हत्यारे का सम्मान और अब शहीद मंगल पाण्डेय से लेकर रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और लाखों स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का तिरस्कार. इस सोच को मैं पागलपन कहूं या फिर देशद्रोह?’’
साल का दूसरा आखरी महीना भी आधा बीतने को है और तापमान में भी गिरावट को अब महसूस किया जा सकता है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में अगले कुछ दिनों में सर्द हवाएं चलेंगी तथा तापमान में कमी आनी शुरू हो जाएगी। शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे और हवाओं का बहाव काफी कम रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा भी रहेगा। इसके चलते अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। हालांकि इसके अगले दिन यानी 13 नवंबर से मौसम साफ हो जाएगा, जिससे सर्द हवाओं की स्पीड भी बढ़ेगी। इससे मौसम का पारा नीचे गिरेगा। जिससे लोगों को तेज ठंड महसूस होगी। सूरज की लुकाछिपी भी बढ़ेगी। खासकर सुबह-शाम और रात में कड़ाके की ठंड शुरू हो जाएगी। जो लोग बाइक-स्कूटर से अपने कामकाज पर जाते हैं, उनके लिए परेशानी बढ़ सकती है। मौसम विभाग का आकलन है कि 25 नवंबर के बाद मौसम के इस पारे में और गिरावट आ सकती है और दिन का तापमान भी घट सकता है। इससे लोगों को दिन में भी कंपकंपी वाली ठंड सताएगी।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में बारिश का कहर जारी है। चेन्नई और आसपास के इलाकों में आज यानि वीरवार को भी मूसलाधार बारिश की संभावना है। राज्य के 20 जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा जानकारी के मुताबिक 11 नवंबर को तमिलनाडु के तिरुवल्लुर, कल्लाकुरिची, सेलम, वेल्लोर, तिरुन्नामलाई, रानीपेट और तिरुपुत्तर जिलों के कुछ इलाकों में भारी से भारी बारिश की संभावना है। वहीं तमिलनाडु के नीलगिरि, कोयंबटूर, चेंगापल्ट्टू, नमक्कल, तिरुचिरापल्ली, चेन्नई और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश की वजह से कई उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं। मौसम विभाग ने बताया कि इस कम दबाव के क्षेत्र के 11 नवंबर की शाम को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तट से गुजरने की संभावना है।
इस बार छठ पूजा के चलते सभी का ध्यान यमुना नदीं के प्रदूषण पर गया। श्रृद्धालु जब छठ पूजा के लिए यमुना नदी पर पहुंचे तो नदी में झाग तैरता मिला, जिससे यमुना नदी के जल स्तर में प्रदूषण का पत्ता चलता है। दरअसल दिल्ली के वज़ीरबाद बैराज के पास से हरियाणा से छोड़ा गया पानी आगे दिल्ली में जाता है। यमुना नदी का प्रदूषण सिग्नेचर ब्रिज से वज़ीरबाद बैराज तक साफ दिखता है। यहां ऊपर से यमुना में पानी के दो रंग बिलकुल साफ नजर आते हैं। बैराज से निकलता पानी साफ है लेकिन कुछ ही मीटर पर काले रंग का पानी दिखता है जो यमुना में मिल जाता है। ये काला गंदा पानी पास की ड्रेन से यमुना में आकर मिलता है। यमुना नदी यहां से आगे आईटीओ होते हुए कालन्दी कुंज से होते हुए और आगे जाती है। दिल्ली सरकार ने अपने मौजूदा कार्यकाल में ही दिल्ली में यमुना नदी के जल को, यमुना के किसी भी स्थान से, हाथ में लेने लायक पूर्ण स्वच्छ बनाने का दावा किया था। लेकिन यमुना की ताज़ा तस्वीरें बता रही हैं कि दिल्ली में यमुना नदी की कोई सुध नहीं ली गई है। दिल्ली में यमुना नदी में कुल 40 नाले गिरते हैं, जिनमें सबसे बड़ा नाला नज़फ़गढ से आता है। इस तरह से प्रदूषित छोटे बड़े गंदे नालों से यमुना में प्रदूषण का स्तर बढ़ाता जा रहा है।
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के महाविद्यालयों में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स अब एनसीसी को एक विषय के रूप में ले सकेंगे। नई शिक्षा नीति के मुताबिक चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के तहत आने वाले समय में सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में स्नातक स्तर के स्टूडेंट्स को एनसीसी इलेक्टिव विषय के रूप में पढ़ने का अवसर प्राप्त होगा। धर्मशाला महाविद्यालय की ओर से आयोजित एनसीसी कैंप में ऑफिसरकमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल भूपेंद्र सिंह खनका ने बताए कि अब विद्यार्थी एनसीसी विषय भी पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि विश्व के युवाओं का सबसे बड़ा यूनिफॉर्म संगठन है। उन्होंने बताया कि एनसीसी को इलेक्टिव सब्जेक्ट के रूप में चुने जाने के लिए यूजीसी के दिशा निर्देशों के अनुसार 6 सेमेस्टर और 24 क्रेडिट पॉइंट में बांटा गया है। विद्यार्थियों को पूरे कोर्स में 24 क्रेडिट प्वाइंट भी मिलेंगे। इससे कैडेट को बी और सी सर्टिफिकेट व सेना में भर्ती के लिए होने वाली परीक्षाओं में भी लाभ होगा। वर्तमान में प्रदेश में कुरुक्षेत्र स्थित गुरुकुल और एनआईआईटी में ही एनसीसी को वैकल्पिक विषय के रूप में पढ़ाया जा रहा है। अब इस व्यवस्था को सभी कॉलेजों में लागू किया जाएगा। प्रदेश में 10 सरकारी और 24 निजी विश्वविद्यालय हैं। इसके अलावा 267 राजकीय और एडेड महाविद्यालय हैं, जहां के विद्यार्थियों को इस नई व्यवस्था का लाभ मिलेगा। वर्तमान में एनसीसी कैडेट्स बी और सी सर्टिफिकेट के लिए होने वाली गतिविधियां व बटालियन के शिविर ही लगा पाते हैं। लेकिन एनसीसी के विषय के रूप में आने के बाद इसका सेमेस्टर के हिसाब से पाठ्यक्रम बनेगा। जिसके अनुसार नियमित कक्षाएं भी लगेंगी। वर्तमान में मैप रीडिंग भी बोर्ड आदि पर होती हैं। भविष्य में सेना की तरह आधुनिक संसाधनों पर विद्यार्थियों को ज्ञान मिलेगा। मैप रीडिंग भी जीपीएस सिस्टम के माध्यम से करवाई जाएगी। युद्ध कौशल, फायरिंग और हथियार चलाने का भी प्रशिक्षण मिलेगा।
तमिलनाडु पहले ही भारी बारिश की मार झेल चूका है और उस पर मौसम ने और करवट लेकर लोगो का हाल बेहाल कर दिया है। राज्य में बारिश से अब तक 12 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। अब मौसम विभाग ने भी जानकारी दी है कि चक्रवाती तूफान आज तमिलनाडु के तट पर पहुंच सकता है। जिसके चलते राज्य के 9 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी चेन्नई और आसपास के इलाकों में धीमा पड़ने के बाद बारिश का दौर फिर से शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवाती तूफान के आज शाम को तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तट से गुजरने की संभावना है। इस वजह से अगले तीन से चार दिनों तक तमिलनाडु के विस्तृत क्षेत्र में बारिश होने की उम्मीद की जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि 12 से 14 नवंबर के बीच तमिलनाडु के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है, जबकि तमिलनाडु के कुछ इलाकों, पुडुचेरी और कराईकल में गरज और बिजली चमकने की संभावना है। बता दें कि तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून के कारण एक अक्टूबर से अब तक सामान्य से 50 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है और 90 प्रमुख जलाशयों में से 53 जलाशयों में पानी 76 प्रतिशत भंडारण स्तर तक पहुंच गया है।
देश में कोरोना संक्रमण का प्रकोप अभी भी बरकरार है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 13 हजार 91 नए केस सामने आए हैं। वहीं, 340 लोगों की मौत हो गई। देश में अब एक्टिव मामलों की संख्या एक लाख 38 हजार 556 है, जो पिछले 266 दिनों में सबसे कम है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर आज तीन करोड़ 44 लाख 1 हजार 670 हो गई है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 1 लाख 38 हजार 556 हो गई है। वहीं, इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4,62,189 हो गई। देश में लगातार 34 दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामले 20 हजार से कम हैं और 137 दिनों से 50 हजार से कम नए दैनिक मामले सामने आ रहे हैं। उपचाराधीन मरीजों की संख्या कुल मामलों का करीब 0.41 फीसदी है। यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक कुल 3,38,00,925 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि मृत्यु दर करीब 1.34 फीसदी है।
सरकार ने मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना 2019 में संशोधन कर इसमें 18 और नई गतिविधियां शामिल कर दी हैं। इस योजना के तहत अब गतिविधियों की संख्या बढ़कर 103 हो गई है। गोरतलब है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने वित्त वर्ष 2021-22 के बजट भाषण में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना में और गतिविधियां शामिल करने की घोषणा की थी। योजना के तहत लघु सेवा व व्यावसायिक उद्यमों की सूची में परिरक्षित चारा इकाइयों की स्थापना, उन्नत डेयरी विकास परियोजना (10 गाय या भैंसों की एक इकाई), दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं की स्थापना, फार्म स्टे/एग्रो पर्यटन व फार्म पर्यटन, कृषि के लिए खुदरा दुकानों का निर्माण, कृषि उपकरणों व औजारों का निर्माण, सब्जी नर्सरी तैयार करना, ऊत्तक संवर्द्धन प्रयोगशाला, कृषि उत्पादों का भंडारण और परिवहन, इंटरनेट ऑफ थिंग्ज आधारित वर्टिकल फार्मिंग, पेट्रोल पंप, ईवी चार्जिंग स्टेशन, एंबुलेंस, रेशम प्रसंस्करण इकाई, रेशम रीलिंग इकाइयां, ऑक्सीजन क्रायोजेनिक टेंकर सेवाएं, सर्वेयर यूनिट और ड्रिलिंग यूनिट शामिल की गई हैं। प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना 2019 के तहत आवेदन करने वाली महिलाओं के लिए ऊपरी आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने का भी निर्णय लिया है। इस योजना के तहत वर्ष 2021-22 में 2000 लोगों को लाभ देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 3000 कर दिया गया है। योजना के तहत अभी तक 1350 मामले बैंकों द्वारा स्वीकृत किए जा चुके हैं।
हिमाचल प्रदेश में करीब दो साल प्रदेश के स्कूलों में कल वापिस रौनक लौटी है। स्कूलों में करीब 21 माह बाद बुधवार को तीसरी से सातवीं कक्षा के विद्यार्थी स्कूलों में पहुंचे। बुधवार को स्कूलों में तीसरी से पांचवीं कक्षा तक 50 फीसदी और छठी से 12वीं कक्षा तक 61 फीसदी विद्यार्थियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। बुधवार को कहीं तिलक लगाकर तो कहीं फूल बरसा कर विद्यार्थियों का स्कूलों में स्वागत किया गया। सभी सरकारी स्कूलों में थर्मल स्क्रीनिंग से स्कूल गेट पर तापमान जांचा गया। फेस मास्क पहनने वालों को ही परिसर में प्रवेश दिया गया। बता दें कि 15 नवंबर से पहली और दूसरी कक्षा के विद्यार्थी भी स्कूल आए।
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के 1858 अधिकारियों और कर्मचारियों को बोनस और प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। बुधवार को बैंक के शिमला के सांगटी स्थित परिसर में हुई निदेशक मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैंक के सभी नियमित, अनुबंधित, दैनिक वेतनभोगी व अंशकालिक कर्मचारियों को बोनस व प्रोत्साहन राशि के तौर पर 7.79 करोड़ का वित्तीय लाभ प्राप्त होगा। इसके तहत 25 हजार से एक लाख रुपये तक की राशि कर्मचारियों के खाते में आएगी।
हिमाचल प्रदेश मानवाधिकार आयोग ने कनलोग में अगस्त में पांच साल की बच्ची को तेंदुए द्वारा उठाने और उसके मारे जाने पर कड़े आदेश जारी किए हैं। आयोग ने इस तेंदुए को तत्काल जिंदा पकड़ने या तुरंत मारने के संस्तुति आदेश जारी किए हैं। यह आदेश सभी पक्षों को सुनने और आयोग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट आने के बाद जारी हुए हैं। एक महीने के भीतर आसपास के सभी तेंदुओं को भी चिह्नित और टैग करने के लिए कहा है। साथ ही बच्ची की दादी को भी चार लाख रुपये की पूरी मुआवजा राशि देने के आदेश दिए हैं। यह आदेश ठीक ऐसे वक्त में आया है, जब डाउनडेल में दिवाली की रात एक और बच्चे को तेंदुआ उठा ले गया था। इससे पहले कनलोग में 5 अगस्त 2021 को पांच साल की बच्ची को तेंदुआ उठा ले गया था। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति पीएस राणा और सदस्य डॉ. अजय भंडारी ने निर्णय में कहा कि यह मानवाधिकार हनन का मामला है। इस तेंदुए को मानव जीवन के लिए खतरा घोषित किया जाता है। तेंदुए ने इस छोटी बच्ची को इरादतन और पहले से ही सुनियोजित तरीके से मारा। अगर उस आदमखोर तेंदुए को पकड़ा जाना संभव नहीं है तो उसे तत्काल मारा जाना चाहिए। डीएफओ शहरी शिमला एवं वाइल्ड लाइफ वार्डन तेंदुए का तत्काल डेथ वारंट जारी करें।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राजनीति पूरी तरह तेज हो गई है। कासगंज की घटना को लेकर सूबे के राजनीति में एक बार फिर उबाल देखने को मिल रहा है। इस बीच कांग्रेस के महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी का उत्तर प्रदेश के कासगंज का दौरा रद्द हो गया है। अब प्रियंका की जगह सलमान खुर्शीद पीड़ित परिवार से मिलेंगे। इस घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वहां मानवाधिकार नाम की कोई चीज नहीं बची है। बता दें कि मंगलवार को पुलिस ने एक नाबालिग हिंदू लड़की को कथित रूप से बहला-फुसलाकर साथ ले जाने के एक मामले में पूछताछ के लिए कासगंज थाने के नगला सैयद इलाके के रहने वाले अल्ताफ (22) को हिरासत में लिया था। बाद में उसकी मौत पुलिस कस्टडी में हो गई। घटना को लेकर पुलिस कह रही है कि आरोपी युवक ने फांसी लगा ली है। वहीं परिजनों का कहना है कि पुलिस कस्टडी में पिटाई के कारण युवक की मौत हुई है।
तेलंगाना के खम्मम में रावी चेट्टू बाजार में एक कपड़े की दुकान में एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने दुकान के अंदर काउंटर को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार हवा में उड़ता दिखाई दिया। वहीं दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर समाने नहीं है। दुकान के अंदर मौजूद दुकानदार समेत 4 लोग बाल-बाल बच गए है। बताया जा रहा है कि बाइक का ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। जिसमें बाइक सवार भी स्वस्थ बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले में बाइक जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। तीन दिन पहले हुई इस घटना का वीडियो सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीमा सुरक्षा बल के जवान देश में किसी प्रकार की अनहोनी को रोकने के लिए लगातार सीमाओं पर कड़ा पहरा लगाते रहते हैं। बुधवार को पेट्रोलिंग के दौरान पाकिस्तान की ओर से आए एक नागरिक को सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गिरफ्तार किया है। भारत-पाकिस्तान सीमा पर पंजाब के फाजिल्का जिले में एक पाकिस्तानी नागरिक को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए गिरफ्तार किया गया है। पाकिस्तानी नागरिक का नाम नजीब उल्ला खान बताया जा रहा है, जो पाकिस्तान में मियां वाली गली जिला के मल्ला खेड़ा गांव का निवासी है। सुरक्षाबलों की ओर से बताया गया है कि बुधवार सुबह उन्हें सीमा पर कुछ संदिग्ध गतिविधी दिखाई दी थी। जिसके बाद जांच करने पर उन्होंने 270/11 सीमा पिलर के पास से भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रहे नजीब को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उसके पास से किसी प्रकार का कोई घातक हथियार बरामद नहीं हुआ है। सुरक्षाबलों का कहना है कि नजीब की तलाशी ली जाने पर उसके पास से उसका पहचान पत्र, एक एल्युमिनियम का डिब्बा और दो पाकिस्तानी सिम कार्ड बरामद हुए हैं। फिलहाल बीएसएफ इस मामले की जांच कर रहा है।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के खिलाफ दिल्ली पुलिस से शिकायत की गई है। उनकी किताब का बुधवार को विमोचन किया गया और आज उनके खिलाफ शिकायत की गई है। उनके ऊपर आरोप है कि उन्होंने हिन्दुत्व की आतंकवाद से तुलना कर उसे बदनाम करने की कोशिश की है। खुर्शीद की किताब सनराइज ओवर अयोध्या में टिप्पणी के खिलाफ यह शिकायत दर्ज कराई गई है। विवेक गर्ग नाम के दिल्ली के वकील ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से शिकायत करते हुए केस दर्ज करने का अनुरोध किया है।
सूर्योदय के साथ ही छठ महापर्व के चौथे दिन सूर्यदेव को प्रात:कालीन अर्घ्य देकर आस्था के इस चार दिवसीय महापर्व का समापन हो गया। देश के अलग-अलग हिस्सों में श्रद्धालुओं ने पानी में उतरकर उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य दिया और सुख-संपन्नता की कामना की। इसके साथ ही, कोरोना महामारी के खात्मे की भी मन्नतें मांगी। बिहार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पटना के पाटीपुल घाट पर गंगा किनारे छठ की पूजा कर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। तो वहीं कुछ श्रद्धालु पटना कॉलेज घाट में सूर्यदेव की पूजा की। दिल्ली में श्रद्धालुओं ने छठ के आखिरी दिन शास्त्री पार्क में आर्टिफिशियल घाट बनाकर उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। झारखंड के रांची में भी हटानिया तालाब में व्रतियों ने छठ पूजा के चौथे दिन उगते हुए सूर्यदेव को प्रात:कालीन अर्घ्य दिया। महाराष्ट्र में छठ के मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने चार दिवसीय छठ पूजा में हिस्सा लिया। मुंबई के कुर्ला इलाके में तालाब में उतरकर व्रती ने उगते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य देकर इस पूजा का समापन किया।
बिग बॉस 15 के घर में वाइल्ड कार्ड एंट्री करने वाले राकेश बापट को घर में आए अभी कुछ ही दिन हुए थे कि उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। राकेश की तबीयत अचानक ही घर में खराब हो गई है। उन्हें किडनी में स्टोन की शिकायत है, जिसकी वजह से उन्हें अचानक ही दर्द होना शुरू हो गया। तबीयत खराब होता देख बिग बॉस के घर में मौजूद डॉक्टरों ने राकेश को शो से बाहर होकर अस्पताल में एडमिट होने की सलाह दी। जिसके बाद उन्हें तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। राकेश ने हाल में ही बिग बॉस में एंट्री की थी, उनकी एंट्री से सबसे ज्यादा खुश उनकी कथिक गर्लफ्रेंड शमिता शेट्टी थीं। दोनों को शो के अंदर डेट पर भेजा था। जहां विशाल कोटियन और जय भानुशाली ने खासतौर पर चायनीज खाना बनाया था। दोनों ने डेट को खूब एंजॉय किया। वहीं शमिता के लिए राकेश सबसे बड़ा सपोर्ट थे। लेकिन उनके शो के बाहर जाने से शमिता बेहद उदास हैं।
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में दर्दनाक हादसा पेश आया है। सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर भांबला के नजदीक वही मोड़ के पास ईंटों से लदा ट्रक पलटने से दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान ट्रक चालक रामेश कुमार पुत्र भाग सिंह गांव सनवाई डाकघर गेहरा और बबली देवी गांव बही के रूप में हुई है। बबली देवी हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़ी थी। उनकी ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान काफी देर तक जाम लगा रहा। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने घटना की पुष्टि की है।
तमिलनाडु के कई शहरों में बारिश और बाढ़ की वजह से लोगों का जीवन अस्तव्यस्त है। चेन्नई समेत कई शहरों में अगले दो दिनों में मौसम के मिजाज़ को लेकर भारी चिंता जताई जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार की तरफ से तैयारियां भी की जा रही हैं। राज्य सरकार ने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के आदेश दे दिए गए हैं। जिसके बाद कई जगहों पर राहत बचाव कार्य में तेजी देखी जा रही है। वहीं कुछ जगहों पर अभी भी राहत बचाव कार्य न होने की शिकायतें मिल रही हैं। भारी बारिश और बाढ़ के साथ चक्रवात की संभावना और मौजूदा हालात को देखते हुए शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का फैसला किया गया है। तमिलनाडु के 22 जिलों में दो दिन स्कूल कॉलेज में अवकाश घोषित कर दिया गया है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में हालात कुछ काबू में दिख रहे है पर कुछ इलाके ऐसे हैं जहां अभी भी सरकारी मदद नहीं पहुंच पा रही है। यहां लोगों में नाराजगी है। पुलनथपै इलाके के लोगों ने बुधवार को ट्रैफिक जाम कर के प्रदर्शन किया।
हिमाचल सरकार ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई को नियंत्रित करने के लिए राज्य सरकार ने जमाखोरी, मुनाफाखोरी अधिनियम लागू कर दिया है। जिसके अंतर्गत थोक कारोबारी 10-10 क्विंटल से ज्यादा आलू प्याज स्टोर नहीं कर सकेंगे। यह एक्ट 31 मार्च तक लागू करने का फैसला लिया गया है। विभाग की ओर से कार्रवाई के बाद कारोबारियों ने इस एक्ट को निरस्त करने को लेकर सरकार से मामला उठाया था। सरकार ने बजट में इसे निरस्त कर अधिसूचना जारी कर दी। इसके बाद कारोबारी जरूरत से ज्यादा आलू-प्याज स्टोर कर लेते थे, लेकिन अब जिस तरह से प्रदेश में महंगाई बढ़ रही है, इसको कंट्रोल करने के लिए यह एक्ट फिर लागू किया है। प्रदेश में जब कोरोना चरम पर था तो उस समय भी छह महीने के लिए इस जमाखोरी, मुनाफाखोरी एक्ट लागू किया था। 31 अक्तूबर को इसका समय खत्म हो गया था। अब इसे दोबारा सख्ती से लागू किया जा रहा है। ताकि आम जनता पर महंगाई के बोझ को कुछ कम किया जा सके।
नोएडा, गाज़ियाबाद और लखनऊ के बाद कानपुर यूपी का चौथा मेट्रो सिटी बनेगा। 31 दिसंबर से अब कानपुर में मेट्रो दौड़ेगी। सीएम योगी ने मेट्रो ट्रेन के ट्रायल रन को हरी झंडी दिखा कर कानपुर को बड़ी सौगात दी है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 15 नवंबर 2019 को कानपुर मेट्रो का काम शुरू हुआ था। पिछले 19 महीने से दुनिया कोरोना का सामना कर रही है। ऐसे में यूपीएमआरसी ने जो उपलब्धि हासिल की है वो बेहतरीन है। घनी आबादी से मेट्रो गुजरेगी। कानपुर वासियों को बेहतरीन सुविधा होगी और प्रदूषण भी कम होगा। उन्होंने कहा कि ये केंद्र और राज्य द्वारा संचालित व्यवस्था है। अगले 6 हफ्तों में ट्रायल रन पूरा होगा और पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों से कानपुर वासियों को ये सुविधा प्राप्त हो सकेगी। बता दें कि कानपुर में मेट्रो के पहले फेज में 9 किलोमीटर के इलाके में मेट्रो को चलाया जाएगा।
राजस्थान के बाड़मेर में बाड़मेर-जोधपुर हाईवे पर बुधवार को बड़ा हादसा पेश आया है। यहां एक प्राइवेट बस और टैंकर की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर की वजह से टैंकर और बस में आग लग गई, जिसमें 12 लोग जिंदा जल गए। बताया जा रहा है कि हादसे में कई लोग घायल भी हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय बस में 25 लोग सवार थे। टक्कर होते ही बस में आग लग गई। इससे लोग उसी में फंस गए, कुछ लोग खिड़की तोड़कर बाहर निकल आए। हादसे की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 10 लोगों को बाहर निकाला। जानकारी के मुताबिक, हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया है, जिसको देखते हुए भारी पुलिसबल तैनात किया गया है।
शत-प्रतिशत कोविड टीकाकरण की श्रेणी में अब रायगढ़ जिले ने एक इतिहास रच दिया है। रायगढ़ जिला अब देश के उन टॉप जिलों में शामिल हो गया है, जहां कोविड वैक्सीनेशन कार्य सबसे पहले पूरा कर लिया गया है। रायगढ़ जिले में टीकाकरण की शुरूआत 16 जनवरी 2021 से हुई थी। मात्र 298 दिनों में जिले ने शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग के साथ जिला प्रशासन की टीम ने कड़ी मेहनत और परिश्रम से टीकाकरण के इस महत्वपूर्ण लक्ष्य को पूरा किया है। रायगढ़ जिले में 10 लाख 68 हजार 456 लोगों को टीके लगाए जाने का लक्ष्य था। जिसे पूरा करते हुए लोगों को टीके के दोनों डोज लगाई जा चुकी है। जिले में अब तक पहला और दूसरा डोज मिलाकर कुल 21 लाख 47 हजार 169 टीके लगाए गए हैं। रायगढ़ जिला टीकाकरण के मामले में पूरे प्रदेश में शुरू से अव्वल रहा है और इस उपलब्धि से जिले ने टीकाकरण के मामले में ना केवल राज्य में शीर्ष स्थान हासिल किया है, बल्कि देश के ऐसे टॉप जिलों में अपनी जगह बनाई है, जिन्होंने सबसे पहले अपनी आबादी को टीकाकरण का दोनों डोज लगा दिए हैं।
किसानों का आंदोलन अभी भी कृषि कानूनों के विरोध में चल रहा है। दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन लगातार जारी है। इसी आंदोलन के बीच सोनीपत के कुंडली सिंघु बॉर्डर पर बुधवार को प्रदर्शन में शामिल एक किसान का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इस मृतक किसान की पहचान गुरप्रीत सिंह, फतेहगढ़ साहिब के अमरोह तहसील के रुड़की गांव का रहने वाले के रूप में हुई है। अभी यह पता नहीं चला है कि उसकी हत्या हुई या आत्महत्या हुई। पुलिस दोनों एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा। कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन का एक साल पूरा होने वाला है। ऐसे में किसान संगठनों ने 29 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र ट्रैक्टर मार्च निकालने का फैसला किया है। इस बैठक में किसान आंदोलन की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। इस बैठक में राकेश टिकैत, दर्शनपाल सिंह और गुरनाम सिंह समेत कई बड़े किसान नेता शामिल हुए।
हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में 2 साल बाद आज से फिर रौनक लौटेगी। बीती कैबिनेट की बैठक में हुए फैसले के अनुसार आज यानि बुधवार से तीसरी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की स्कूलों में नियमित कक्षाएं लगेंगी। इसके लिए प्रदेश के सभी स्कूलों के लिए गाइडलाइन भी जारी की गयी है। जिन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक है, उन स्कूलों में एक दिन छोड़कर या सुबह-शाम के सत्र में कक्षाएं लगेंगी। माइक्रो प्लान के आधार पर कक्षाओं में विद्यार्थी बैठाए जाएंगे। स्कूल गेट पर विद्यार्थियों व शिक्षकों का थर्मल स्क्रीनिंग से तापमान जांचा जाएगा। अगर किसी विद्यार्थी या शिक्षक-गैर शिक्षक में बुखार के लक्षण मिले तो गेट से ही उन्हें वापिस घर भेज दिया जाएगा। स्कूलों में सभी के लिए फेस मास्क पहनना अनिवार्य रहेगा। वंही स्कूलों में लंच ब्रेक का समय अलग-अलग रहेगा। स्कूल आने और जाने के समय में भी कक्षावार पांच से दस मिनट का अंतर होगा। प्रार्थना सभा और खेलकूद सहित एकत्र होने वाली सभी गतिविधियां बंद रहेंगी। सरकारी स्कूलों में नियमित कक्षाएं शुरू होने के बावजूद हर घर पाठशाला कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन शिक्षण सामग्री भेजने की प्रक्रिया भी आगामी आदेशों तक जारी रहेगी। यदि स्कूल में कोई संक्रमित विद्यार्थी पाया जाता है तो 48 घंटे तक स्कूल बंद रखा जाएगा।
चार दिवसीय महापर्व छठ में आज डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। जबकि, गुरुवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पूजा का समापन हो जाएगा। पूर्वांचलियों के सबसे बड़े और पवित्र पर्व बिहार, यूपी के सीमावर्ती क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत देशभर में मनाया जाता है। वंही इस मौके पर राष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने देशवासियों को छठ पर्व की बधाई दी है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करते हुए कहा, "छठ पूजा के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। यह पर्व प्रकृति, विशेषकर सूर्य व जल पर हमारी निर्भरता को स्वीकारने का भी अवसर है। मेरी कामना है कि यह त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को सबल बनाने के साथ-साथ पर्यावरण-संरक्षण के हमारे प्रयासों को भी सुदृढ़ बनाए। "
शुरुआत में निफ्टी 87 अंक गिरकर 17957 पर व सेंसेक्स 138 अंक गिरकर 60295.26 पर कारोबार करता हुआ नजर आया। बाजार में आईटी क्षेत्र में गिरावट कुछ ज्यादा दिखाई दे रही है। वहीं ऑटो शेयरों में शुरुआती कारोबार के दौरान कुछ बढ़त जरूर दिखाई दी है। कल के कारोबार में छोटे-मझोले शेयरों ने दिग्गजों की तुलना में ज्यादा बेहतर प्रदर्शन किया। निफ़्टी मिडकैप 00 में कल 1.16 फीसदी और स्मॉलकैप 100 में 0.49 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। वंही बाजार के लिए ग्लोबल संकेत कमजोर नजर आ रहे है। एशिया और SGX निफ़्टी पर शुरुआती दबाव देखने को मिल रहा है। DOW FUTURES भी करीब चौथाई परसेंट नीचे नजर आ रहा है। महंगाई आंकड़े से पहले कल अमेरिकी बाजार गिरकर बंद हुए थे।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को हमीदिया अस्पताल के कैंपस में आग लगने से हड़कंप मच गया था। हमीदिया अस्पताल के कैंपस एरिया में बने कमला नेहरू बिल्डिंग के पीडियाट्रिक विभाग में आग लगने से 4 बच्चों की मौत हो गई थी। जिसके बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने इस घटना पर स्वतः संज्ञान लिया है। कमला नेहरू बाल चिकित्सालय के एसएनसीयू में चार शिशुओं की मौत के संबंध में एनसीपीसीआर ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर जांच दल गठित करने को कहा है। इसके साथ ही आदेश जारी किया है कि अस्पताल अपने फायर एनओसी के विवरण और किए गए फायर सेफ्टी ऑडिट के विवरण से भी अवगत कराएगी। इसके साथ ही मृत शिशुओं के परिवारों के लिए पर्याप्त मुआवजे की भी मांग की गई है।
वाइस एडमिरल आर हरी कुमार नौसेना के अगले अध्यक्ष होंगे। फिलहाल वह वेस्टर्न नेवल कमांड के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ हैं। 30 नवंबरआर हरी कुमार नौसेना में अपना पदभार संभालेंगे। बता दिन कि नौसेना के वर्तमान अध्यक्ष एडमिरल करमबीर सिंह 30 नवंबर को रिटायर हो रहे हैं। गौरतलब है कि 12 अप्रैल 1962 को जन्मे हरी कुमार कई अहम पदों जैसे वाइस चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ, चीफ ऑफ पर्सनल, द फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग वेस्टर्न फ्लीट के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वह नेवल वॉर कॉलेज गोवा के कमांडेंट रह चुके हैं और शेशल्स सरकार के नेवल एडवाइजर भी रह चुके हैं।
राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में सोमवार को 119 शख्सियतों को पदमश्री अवॉर्ड दिया गया है। तमाम वीआईपी व हाई-प्रोफाइल लोगों के बीच इनमें से एक शख्सियत ने सभी लोगो का ध्यान अपनी ओर खींचा। वह है कर्नाटका की तुलसी गोडा। तुलसी गोडा पर्यावरणविद हैं। इन्हें इनसाइक्लोपीडिया ऑफ फॉरेस्ट भी कहा जाता है। राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में तुलसी की सादगी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। वह नंगे पैर और अपने पारंपरिक पहनावे में राष्टपति भवन पहुंचीं थी। उन्हें देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े लोगों ने हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। वंही तुलसी गोडा की एक तस्वीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इंस्टाग्राम पर शेयर की है। कार्य़क्रम के दौरान ली गई एक तस्वीर में पीएम नरेंद्र मोदी तुलसी गोडा का अभिवादन करने के साथ ही उनसे बात करते भी दिख रहे हैं। बता दें कि तुलसी गोडा कर्नाटक के होनाली गांव से संबंध रखती है। वह 6 दशक से भी ज्यादा समय से पर्यावरण के लिए काम कर रहीं हैं। तुलसी अब तक 30 हजार से ज्यादा पौधे लगा चुकी हैं। वह वन विभाग की नर्सरी की देखभाल भी करती है। 77 साल की तुलसी आदिवासी हैं और पौधों व जड़ी-बूटियों की अपनी समझ के लिए भी मशहूर हैं। एक गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली तुलसी गोडा ने जन्म के 2 साल बाद ही अपने पिता को खो दिया था। छोटी उम्र में वह अपनी मां के साथ नर्सरी में काम करती थीं। वह कभी स्कूल नहीं गई। वहीं से उनके आंदर पर्यावरण के लिए काम करने का जज्बा आ गया।
छठ से पहले भारत संचार निगम लिमिटेड के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा दिया गया है। यह बढ़ोतरी नवंबर में लागू हुई है। यानी कर्मचारियों को नवंबर के वेतन में बढ़े हुए डीए की राशि जुड़कर मिलेगी। इसके साथ ही एचआरए में भी इजाफा होगा। सरकारी आदेश के मुताबिक डीए 170 फीसदी से बढ़कर 179.3 फीसदी हो गया है। अब बीएसएनएल के बोर्ड लेवल और बोर्ड लेवल पोस्ट से नीचे काम कर रहे लोगों को इस बढ़ी दर से डीए दिया जाएगा। बता दें कि डीए में बढ़ोतरी उन कर्मचारियों के लिए हुई है, जो 2007 के पे रिवीजन के आधार पर वेतन पा रहे हैं। इसमें नॉन-एक्ग्जिक्युटिव कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है। हालांकि एक अक्तूबर 2020, एक नवंबर 2021 और एक अप्रैल 2020 के डीए की राशि पर कोई असर नहीं पड़ेगा। क्योंकि उस दौरान डीए फ्रीज रखा गया था। एक अक्तूबर 2020 से 30 जून 2021 के लिए डीए 159.9 फीसदी था।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे-4 (जीवाईटीएस-2021) के अनुसार देश के युवाओं में सबसे कम तंबाकू का सेवन करने वाले राज्यों में हिमाचल प्रदेश शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं में तंबाकू के सेवन के प्रचलन को कम करने के लिए समय-समय पर उठाए गए विभिन्न कदमों से यह संभव हो पाया हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार का मुख्य फोकस शिक्षण संस्थानों और पंचायतों को तंबाकू मुक्त करना है, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा राज्य में 100 नई दिशा केंद्र स्थापित किए हैं। शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने के संबंध में दिशानिर्देश-2020, स्वास्थ्य संवर्धन शैक्षिक संस्थान दिशानिर्देश-2020, स्वास्थ्य संवर्धन समिति-2021 इत्यादी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों द्वारा तंबाकू मुक्त नीतियों के समर्थन में प्रस्ताव पारित किए जाते हैं। इसके अलावा, राज्य द्वारा तंबाकू मुक्त पंचायतों के लिए 5 लाख रुपये की तंबाकू मुक्त पंचायत इनामी योजना घोषित की है। शैक्षणिक संस्थानों, ग्राम पंचायतों को वर्ष 2021-22 में तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वर्ष 2012 में तंबाकू नियंत्रण के लिए सम्मानित भी किया जा चुका है।
दिल्ली इस वक्त प्रदूषण की दोहरी मार झेल रही है। दिल्ली-एनसीआर में कोहरे की चादर छाई हुई है और प्रदूषण का स्तर काफी खतरनाक स्तर पर पहुंचा हुआ है। वहीं यमुना नदी में जहरीले झाग के कारण बीजेपी और सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के बीच रार जारी है। इस बीच राजधानी दिल्ली के सिंघु गांव में लोगों ने पराली जलाई। बता दें कि दिल्ली में प्रदूषण बहुत खराब श्रेणी में है। दिल्ली के प्रदूषण में पटाखे के धुएं और पड़ोसी राज्यों में जल रही पराली के धुएं की चादर छाई हुई है। केंद्र सरकार से पड़ोसी राज्यों में पराली जलने की समस्या से निपटने के लिए एक इमरजेंसी बैठक की मांग की थी उम्मीद है ये बैठक जल्द होगी।
मुंबई में क्रूज पर ड्रग्स पार्टी को लेकर जांच तेज होती दिख रही है। मुंबई पुलिस अब NCB दफ़्तर की CCTV फुटेज की भी जांच करेगी। बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस जल्द ही NCB दफ़्तर की CCTV फुटेज की मांग एनसीबी से करने वाली है। मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रभाकर शैल द्वारा NCB और क्रूज़ ड्रग्स मामले में स्वतंत्र पंच पर लगाए आरोपों की जांच कर मुंबई SIT ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अब NCB दफ़्तर का रुख़ किया है। मुंबई पुलिस जल्द ही NCB दफ़्तर की CCTV फ़ुटेज की मांग NCB से करने वाली है। एक अधिकारी ने बताया कि क्रूज़ ड्रग्स मामला जब सामने आया उस समय का और उसके कुछ समय पहले के फ़ुटेज की मांग करेंगे। मुंबई पुलिस इस CCTV फ़ुटेज का बारीकी से अध्ययन करेगी और केपी गोसाव, मनीष भानुशाली और सैम डिसूज़ा की NCB दफ़्तर में की गई एक्टिविटी को मॉनिटर करेगी। मुंबई पुलिस को पता लगाना है कि आख़िर एनसीबी दफ़्तर में ये तीनों क्या क्या करते थे यानी कि जिस समय आर्यन खान को वहां लाया गया उस समय की इनकी आर्यन के साथ की एक्टिविटी और जब सैम NCB ऑफ़िस में था उस समय की उसकी एक्टिविटी की जांच की जाएगी। आपको बता दें कि मुंबई पुलिस को अब तक ऐसा कुछ भी सुराग नहीं मिला है जिससे कि वसूली के तार NCB के ज़ोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े या NCB के किसी दूसरे अधिकारी के साथ जोड़े जा सकते हैं। हालांकि मुंबई पुलिस ने जांच में यह पाया है कि इस मामले में गोसावी द्वारा वसूली की गई है।
कुल्लू पुलिस के पीओ सेल ने उद्घोषित अपराधी बिट्टू सिंह निवासी पटियाला को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। इसे एनडीपीएस के एक मामले में वर्ष 2019 में कोर्ट ने उद्घोषित अपराधी करार दिया था। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। लेकिन यह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था। पुलिस ने इसे पटियाला के तरखान माजरा से पकड़ा है। एसपी गुरुदेव शर्मा ने कहा कि 2021 में अब तक पुलिस कई उद्घोषित अपराधियों को सलाखों के पीछे डाल चुकी है।
त्योहारों के बाद सुस्त पड़े पर्यटक कारोबार अब जोर पकड़ने लगा है। पहाड़ो पर पड़ी बर्फ पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित करती है। इसके साथ ही मनाली लाहुल घाटी में भी पर्यटकों का जमावड़ा लग रहा है। बर्फ के बीच अठखेलियां करने के लिए पर्यटक लाहुल घाटी के कोकसर का रुख कर रहे हैं। मनाली में वीकेंड में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। शनिवार और रविवार को ऑनलाइन बुकिंग पर निर्भर कई होटल पैक चल रहे हैं। पर्यटन निगम के होटलों में भी 50 प्रतिशत से अधिक आक्यूपेंसी पहुंच गई है। अब दिवाली के बाद एक बार फिर पर्यटक कारोबार ने जोर पकड़ लिया है। आने वाले दिनों के लिए भी अच्छी बुकिंग चल रही है। नवंबर और दिसंबर में अच्छा पर्यटन कारोबार होने की उम्मीद है। नववर्ष और क्रिसमस पर मनाली में पर्यटकों की ठीकठाक भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। मनाली पहुंचे पर्यटक साहसिक गतिविधियों का भी जमकर लुत्फ ले रहे हैं।
कर्नाटक सरकार ने महाराष्ट्र से राज्य में कुछ समय के लिए आने वाले लोगों के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं। नए दिशानिर्देश महाराष्ट्र में उच्च कोविड -19 केसलोएड को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं। कर्नाटक सरकार ने एक बयान में कहा है कि महाराष्ट्र से केवल बिना लक्षण वाले यात्रियों को ही राज्य में आने की अनुमति होगी। दिशानिर्देशों में कहा गया है कि बुखार, खांसी जुकाम, गले में दर्द, बुखार या सांस लेने में कठिनाई वाले किसी भी व्यक्ति को सीमा पर रोका जाएगा। महाराष्ट्र के यात्रियों को अपने साथ टीकाकरण प्रमाण पत्र ले जाने की भी आवश्यकता है। बयान में कहा गया है कि यात्रियों को आगमन पर बुखार के लिए थर्मल स्कैनिंग से गुजरना होगा और दोनों खुराक के लिए कोविड -19 टीकाकरण प्रमाण पत्र ले जाना होगा। इसमें कहा गया है कि मुंबई सहित महाराष्ट्र से आने वालों को फेस मास्क पहनने और बेंगलुरु और कर्नाटक में अपने प्रवास के दौरान कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करने की आवश्यकता है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र ने सोमवार को 751 ताजा कोरोना वायरस सकारात्मक मामले और 15 मौतें दर्ज कीं, जिसमें संक्रमण की संख्या 66,18,347 पहुंच गई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सोने चांदी के दाम दो महीनें की रिकार्ड बढ़ोतरी के बाद आज गिरावट देखने को मिल रही है। दिसंबर एक्सपायरी के सोना के दामों में 0.04 प्रतिशत यानी 18 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर आज के सोने के दाम 48,000 प्रति 10 ग्राम है। आज चांदी की कीमत में भी 0.11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। आज चांदी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज 64,810 रुपये पर ट्रेंड कर रहा है। आपको बता दें कि MCX में सोमवार की सुबह गोल्ड फ्यूचर में 0.3 फीसदी की तेजी दर्ज हुई थी और 48,117 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेंड कर रहा था। वहीं सिल्वर के प्राइज में 64,717 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रहा था। अगर बड़े शहरों की बात करें तो नई दिल्ली में 22 कैरेट सोने का दाम 45,270 रुपये है। मुंबई में 22 कैरेट सोने का दाम 47,040 रुपये है। वहीं चेन्नई में सोने का 22 कैरेट का प्राइस 45,270 रुपये पर है। कोलकाता में 22 कैरेट सोने का प्राइस 47,520 रुपये पर है। गौरतलब है कि गोल्ड ज्वैलरी के प्राइज देश भर में अलग-अलग होते है। हर राज्य अपने हिसाब से इस धातु पर एक्साइज ड्यूटी, स्टेट टैक्स और मेकिंग चार्जेज लगाता है।
लगातार हो रही बारिश से तमिलनाडु राज्य में अभी तक चार लोगो की मृत्यु का समाचार सामने आया है। राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि, सोमवार को चेन्नई में लगातार बारिश से थोड़ी राहत मिली, लेकिन शहर के कई क्षेत्रों और सड़कों पर पानी अभी भी जमा है। कई मार्गों पर वाहनों को दूसरे रास्तों की ओर मोड़ा जा रहा है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपेट और वेल्लोर समेत अन्य उत्तरी जिलों के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार को सुबह से ही हल्की से मध्यम और रूक-रूक कर बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार से शहर और आसपास के इलाकों में और बारिश होने की संभावना जताई है। इस बीच मौसम विभाग ने 14 नवंबर तक नीलगिरी, कोयंबटूर, डिंडीगुल, थेनी, तेनकासी और तिरुनेलवेली सहित 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को 9 से 12 नवंबर के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। जल-जमाव और सबवे पानी को दूर करने के लिए ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन ने 23,000 कर्मियों को तैनात किया है। स्टालिन ने 15 निगम क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी के लिए 15 आईएएस अधिकारियों को नियुक्त किया है। मौसम विभाग ने कर्नाटक के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 13 जिलों में मंगलवार तक भारी बारिश की संभावना है। विभाग के मुताबिक, चक्रवाती दबाव के कारण भारी बारिश होगी।
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल में सोमवार रात करीब 9 बजे भीषण आग लग गई, जिसमें 4 नवजात बच्चों की मौत हो गई है। आग कमला नेहरू बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर स्थित चिल्ड्रन वार्ड में लगी, जहां 40 बच्चे भर्ती थे। दरअसल हमीदिया अस्पताल के चिल्ड्रन वार्ड में रात करीब 9 बजे आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 3 घंटे की मेहनत के बाद रात साढ़े 12 बजे फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने आग पर काबू पाया है। हादसे के बाद चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री विश्वास सारंग भी देर रात मौके पर पहुंचे और बताया कि चिल्ड्रन वार्ड में 40 बच्चे भर्ती थे, जिनमें 36 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। 4 बच्चों को नहीं बचाया जा सका। मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
कोरोना महामारी का खतरा अभी टला नहीं है। भारत में पिछले 24 घंटों में 10,126 नए मामले दर्ज किए गए हैं जो कि पिछले 266 दिनों में सबसे कम हैं। सबसे अच्छी बात है कि पिछले 24 घंटों में 11,982 संक्रमित मरीज ठीक भी हुए हैं। रोजाना पॉजिटिविटी दर 0.93 फीसदी दर्ज की गई है। देश में लोगों को कोरोना से बचाने के लिए वैक्सीनेशन अभियान तेज गति से जारी है। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 109.08 करोड़ टीके की खुराक दी जा चुकी है। रिकवरी दर वर्तमान में 98.25% है जो कि मार्च 2020 के बाद से उच्चतम है। वंही पिछले 24 घंटों में 11,982 ठीक होने से कुल ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 3,37,75,086 हो गई है। बहरहाल कोविड-19 की वजह से कई देशों की स्थिति काफी खराब दिख रही है। वही भारत में तेजी से वैक्सीनेशन अभियान चलाकर इस बीमारी को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की जा रही है।
श्रीनगर शहर में सोमवार शाम आतंकवादियों ने कश्मीर पंडित दुकानदार के एक सेल्समैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में खुलासा हुआ है कि दुकानदार मालिक संदीप पिछले महीने मारे गए माखन लाल बिंदु के रिश्तेदार हैं। अब पुलिस ये छानबीन कर रही है कि कहीं आतंकियों का निशाना कश्मीरी पंडित संदीप मावा तो नहीं थे। सोमवार को वारदात होने से दो घंटे पहले ही संदीप मावा अपनी दुकान से जा चुके थे। उनका सेल्समैन मोहम्मद इब्राहिम खान दुकान बंद कर संदीप की कार में बैठने जा रहे थे तभी आतंकियों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने बांदीपुरा जिले के निवासी मोहम्मद इब्राहिम खान पर बोहरी कदल में रात करीब आठ बजे गोली चलायी थी। खान को गंभीर हालत में पास के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। खान पास के महाराजगंज इलाके में एक सेल्समेन के तौर पर काम करता था। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों का पता लगाने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी है। खान की हत्या पिछले 24 घंटे में आतंकवादियों द्वारा किया गया दूसरा हमला है। इससे पहले रविवार शाम बटमालू इलाके में एक पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को विदेशी मुद्रा को देश के बाहर ले जाने के मामले में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों ने सोमवार को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई जा रहे एक यात्री को पकड़ा, जो तकरीबन 13 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा की तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 65,000 सऊदी रियाल के साथ एक यात्री को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए शख्स के पास से बरामद विदेशी मुद्रा की कीमत लगभग 12.86 लाख रुपये के बराबर है। सीआईएसएफ के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि हैदराबाद हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ की निगरानी और खुफिया टीम ने सोमवार को सुबह करीब सात बजे टर्मिनल भवन में प्रवेश करते समय एक यात्री की संदिग्ध गतिविधियों पर ध्यान दिया। जिसके बाद शक होने पर उसके सामान की चेकिंग के लिए रैंडम चेकिंग प्वाइंट पर ले जाया गया। एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम मशीन के माध्यम से उसके सामान की जांच की गयी। जिस दौरान सीआईएसएफ कर्मियों ने उसके हैंडबैग के अंदर एक संदिग्ध चीज दिखाई दी। जिसके बाद उसके हैंडबैग की जांच करने पर, 65000 सऊदी रियाल उसके कपड़ों की जेब के अंदर छिपे हुए मिले है।
आज यानि मंगलवार सुबह मायानगरी मुंबई में एक बड़ा हादसा सामने आया है। एंटॉप हिल इलाके में एक बिल्डिंग के गिर जाने से कई लोगो के उसमें दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंच कर मुंबई फायर ब्रिगेड द्वारा 9 लोगो को बचा लिया गया है। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिनेमा जगत की जानी मानी अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी आजकल परिवार सहित देवभूमि हिमाचल प्रदेश की हसीन वादियों में सकूँन के पल गुजारने पहुंची हैं। जिसके चलते सोमवार को अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी पति राज कुंद्रा व पारिवारिक सदस्यों सहित चामुंडा मंदिर पहुंची। मंदिर के मुख्य पुजारी ओम व्यास ने उनसे विधिवत पूजा अर्चना करवाई और माँ चामुंडा के रक्षा कवच के रूप में सपरिवार मौली बाँधी गई व आशीर्वाद स्वरूप उन्हें माँ की चुनरी भेंट की गई। वहीं उन्होंने साथ में स्थित नंदिकेश्वर धाम शिव में भी आराधना की। शिल्पा शेट्टी ने चामुंडा माँ व शिव मंदिर के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त करनी चाही तो शिव मंदिर के पुजारी बॉबी गोस्वामी ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी। शिल्पा शेट्टी के मंदिर में पहुंचने की खबर मिलते ही उनके प्रशंसकों की मंदिर में भीड़ उमड़ गई। माँ चामुंडा अगर हमें हर साल बुलाये तो परिवार सहित जरूर आऊँगी।
प्रदेश के राशनकार्ड उपभोक्ताओं को अब गूगल पे और क्यूआर कोड से सस्ता राशन मिलेगा। कोरोना के चलते सरकार ने यह व्यवस्था की है। इससे डिपो होल्डरों को सरकार के अकाउंट में पैसा जमा कराने का झंझट भी खत्म हो जाएगा। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से 50 डिपो में चल रहे सफल प्रयोग के बाद अब सरकार ने सभी 5000 डिपुओं में इसे लागू करने का फैसला लिया है। बता दें कि प्रदेश में 19 लाख राशनकार्ड धारक परिवार हैं। प्रदेश सरकार की ओर से सब्सिडी पर तीन दालें, दो लीटर तेल, नमक, 500 ग्राम प्रति व्यक्ति चीनी शामिल है। आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर उपलब्ध कराती है। खाद्य नागरिक एवं उपभोक्ता मामले सचिव सी पालरासू ने बताया कि डिपुओं को क्यूआर कोड जारी करने के आदेश कर दिए हैं। डिपुओं में अभी पहले की तरह कैश पर भी राशन मिलता रहेगा। आने वाले समय में इसे बंद किया जा सकेगा।
1997 उपहार सिनेमा अग्निकांड में दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सबूतों से छेड़छाड़ करने के मामले में सुशील और गोपाल अंसल को सात साल कैद की सजा सुनाई है। उपहार सिनेमा अग्निकांड में 59 लोगों की मौत हुई थी। अदालत ने सुशील और गोपाल अंसल पर सवा दो दो करोड़ का जुर्माना भी लगाया है। उपहार त्रासदी पीड़ित एसोसिएशन ने अग्निकांड में साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ करने के मामले में रियल एस्टेट उद्यमियों सुशील और गोपाल अंसल को उम्रकैद देने की मांग की थी। अदालत ने इस मामले में आठ अक्टूबर को अंसल बंधुओं, अदालत के एक पूर्व कर्मचारी दिनेश चंद शर्मा और पीपी बत्रा तथा अनूप सिंह को दोषी करार दिया था। अन्य दो आरोपियों हरस्वरूप पंवार और धर्मवीर मल्होत्रा की सुनवाई के दौरान मृत्यु हो गयी थी। बता दें कि उपहार मामले की जब निचली अदालत में सुनवाई चल रही थी तो अदालत से कई अहम दस्तावेज गायब हो गए थे। बाद में जब जांच की गई तो उसमें पहले से ही मामले में आरोपी सुशील और गोपाल अंसल पर ही सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था। अदालत का यह फैसला उसी मामले में आया है। एवीयूटी अध्यक्ष नीलम कृष्णमूर्ति की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने निर्देश दिया था, जिसके आधार पर यह मामला दर्ज किया गया। यह मामला अग्निकांड के साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने का है जिसमें उच्चतम न्यायालय ने अंसल बंधुओं को दोषी करार देते हुए उन्हें दो-दो साल कारावास की सजा सुनायी थी।
दीपावली के पर्व को कुछ जगहों पर लोग बड़े ही रोचक अंदाज में मनाते हैं। तमिलनाडु और कर्नाटक बॉर्डर पर गुमतापुरा गां के लोग हर वर्ष एक दूसरे पर गाय का गोबर फेंककर दीपावली के त्योहार को विदाई देते हैं। इसे स्थानीय भाषा में गोरहब्बा उत्सव भी कहा जाता है। बताया जाता है कि गुमतापुरा गांव के स्थानीय लोग दशकों से इस त्योहार को मनाते आ रहे हैं। गुमतापुरा गांव के रहने वाले कई युवा या फिर बुजुर्ग इस गाय गोबर उत्सव में हिस्सा लेते हैं। इस उत्सव में हिस्सा लेने वाले लोग गांव में गाय रखने वाले लोगों के घरों में जाते हैं और गोबर इकट्ठा करते हैं। इसके बाद कुछ पूजा या स्थानीय रीति रिवाज के साथ गोबर को ट्रैक्टर के जरिए गांव के मंदिर के पास लाया जाता है। फिर गोबर को खुले क्षेत्र में रख दिया जाता है। लोग वहां जमां होते हैं और एक दूसरे पर गोबर फेंकते हैं। काफी देर तक ये सिलसिला जारी रहता है। ये उत्सव पुरानी परंपरा का एक हिस्सा है। इसे दिपावली त्योहार के एक हिस्से के रुप में मनाया जाता है। इस उत्सव को दीपावली त्योहार के समापन के तौर पर भी देखा जाता है। कहा जाता है कि यहां के लोग ये पर्व कई सालों से मना रहे हैं। इस उत्सव को देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। दूसरे राज्यों के लोग भी इस उत्सव को देखने के लिए जमा होते हैं। मान्यता ये भी है कि इस गोबर से कई बीमारियां ठीक हो जाती हैं।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल की बैठक आज यहां मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल को प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 10 से 15 दिसम्बर तक जिला कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित करने की सिफारिश करने का निर्णय लिया। इसमें पांच बैठकें होंगी। बैठक में तीसरी से 7वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल 10 नवम्बर से और पहली और दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए इस वर्ष 15 नवम्बर से खोलने का निर्णय लिया गया। बैठक में परिवहन बसों का परिचालन पहले के 50 प्रतिशत मानदण्ड के बजाय पूरी क्षमता के साथ करने का निर्णय भी लिया गया। मंत्रिमण्डल ने राज्य के विभिन्न भागों में 21 नवम्बर से जनमंच आयोजित करने का भी निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने भारतीय जनता पार्टी के स्वर्णिम दृष्टिपत्र के कार्यान्वयन की प्रगति की भी समीक्षा की, जिसे वर्तमान राज्य सरकार ने नीति दस्तावेज के रूप में अपनाया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस सम्बन्ध में विस्तृत प्रस्तुति दी। मंत्रिमण्डल ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक समिति गठित करने का निर्णय लिया, जिसमें हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला और क्लस्टर विश्वविद्यालय मण्डी के कुलपतियों तथा सचिव शिक्षा को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है, ताकि मण्डी में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित करने की रूपरेख तय करने पर कार्य किया जा सके।मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश राजकीय दन्त महाविद्यालय शिमला के पीजी-एमडीएस विद्यार्थियों की छात्रवृति 1 अपै्रल, 2021 से 5000 रुपये प्रतिमाह बढ़ाने की मंजूरी दी। अब प्रथम वर्ष के एमडीएस विद्यार्थियों को 35 हजार रुपये के स्थान पर 40 हजार रुपये, द्वितीय वर्ष की विद्यार्थियों को 40 हजार रुपये के स्थान पर 45 हजार रुपये और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को 45 हजार रुपये के स्थान पर 50 हजार रुपये प्रति माह मिलेंगे। मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश कृषि और बागवानी उत्पाद विपणन (विकास व विनियमन) अधिनियम 2005 की वर्तमान अनुसूची में अधिक मदों को शामिल करने को मंजूरी प्रदान की ताकि प्रदेश में कृषक समुदाय के हित में विविध कृषि और सम्बद्ध क्षेत्र में संभावित विकास हो सके। इससे पहले अधिनियम की मौजूदा सूची में 131 वस्तुएं शामिल की गई थीं। अब इसमें अनाज, दालें, तिलहन, फल, सब्जियों के रेशे, पशुपालन उत्पाद एवं पशुधन, मसाले, औषधीय और सुगन्धित पौधों की प्रजाजियां फूल, गमलों में लगे पौधों और उनके बीज और अन्य उत्पादों सहित 259 वस्तुएं शामिल की गई हैं। मंत्रिमण्डल ने जिला मण्डी में राजकीय माध्यमिक पाठशाला चेत को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने और इसके सुचारू संचालन के लिए आवश्यक पदों के सृजन का निर्णय लिया। मंत्रिमण्डल ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय के सामान्य प्रशासन विभाग में सेकंडमेंट आधार पर चालकों के 10 पद भरने का निर्णय लिया। इस अवसर पर राज्य में कोविड-19 स्थिति और कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों के सम्बंध में एक प्रस्तुति भी दी गई। मंत्रिमण्डल ने इसके द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णयों के कार्यान्वयन की स्थिति की समीक्षा भी की।


















































