सुधीर शर्मा ने एक बार फिर से सरकार पर तीखा हमला बोला है। सुधीर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का वाटर सेस को असंवैधानिक ठहराने वाला फैसला एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली कदम है। इस फैसले ने न केवल वाटर सेस के खिलाफ विवादों को समाप्त किया है, बल्कि यह स्थानीय विद्युत परियोजनाओं के हित में भी एक महत्वपूर्ण निर्णय है। सुधीर ने कहा कि वाटर सेस कमीशन को भी निरस्त किया गया है, जो कि सरकारी खज़ाने पर अतिरिक्त बोझ था। इससे पता चलता है कि परिपक्तवा की कमी में लिया गया यह निर्णय मुंह के बल गिरा है। सुधीर ने कहा, 'मैं सरकार के विरोधी पक्ष के वकील अभिषेक मनु सिंघवी को इस फ़ैसले पर बधाई देता हूं और सरकार के ऊपर जो 32 करोड़ की लाइबिलिटी लगी है जिसे तुरंत जमा करवाने के आदेश हुए हैं उसके लिये सरकार को प्रबंध करने की ईश्वर शक्ति दे ऐसी कामना करता हूं।' इस फैसले के माध्यम से उच्च न्यायालय ने न केवल वाटर सेस को असंवैधानिक ठहराया है, बल्कि सामाजिक न्याय और लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभों को मजबूत करने में भी मदद की है।
** राहुल राणा बोले, टीएमसी नेताओं ने राज्य सरकार के संरक्षण में महिलाओं का जीना किया दुश्वार ** उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर उठाई न्याय की मांग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने पश्चिम बंगाल के उत्तर चौबीस परगना जिले के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस नेताओं द्वारा महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार, जमीन कब्जाने तथा अपराध से भयमुक्त वातावरण निर्माण कर स्थानीय हिंदू परिवारों को पलायन करने को मजबूर करने के विरुद्ध देश भर में प्रदर्शन किया। यह देशव्यापी प्रदर्शन देश के सभी राज्यों की राजधानियों तथा 500 से अधिक जिलों व महानगरों में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसी संदर्भ में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कांगड़ा द्वारा उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला के बाहर महिला विरोधी ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और धरना प्रदर्शन किया गया। अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री राहुल राणा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी लगातार जनविरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही हैं। संदेशखाली में जिन पीड़िताओं के साथ ज्यादती हुई, उनमें से अधिकांशत: पिछड़े वर्ग तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाएं हैं। पश्चिम बंगाल में हो रहे अपराधों का विरोध देश के प्रत्येक कोने में विद्यार्थी परिषद करेगी। महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद पश्चिम बंगाल की महिलाएं सुरक्षित नहीं : शिल्पा कुमारी वहीं, अभाविप की केंद्रीय कार्य समिति सदस्य शिल्पा कुमारी ने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं के साथ अत्याचारों का घटनाक्रम जब सामने आया तभी से विद्यार्थी परिषद न्याय की मांग को लेकर पूरे देश के शैक्षणिक संस्थानों में प्रदर्शन कर रही है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद पश्चिम बंगाल की महिलाओं की सुरक्षा तथा सम्मानपूर्ण जीवन सरकार की प्राथमिकता में नहीं है। परिषद ने आज उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से राष्ट्रपति को भीज्ञापन सौंपा है। अगर इस मामले को लेकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई अपराधियों पर नहीं की गई तो आने वाले समय में विद्यार्थी परिषद को हजारों लाखों की संख्या में महिलाओं की आवाज को बुलंद करने के लिए पश्चिम बंगाल के संदेशखाली के लिए कूच भी करना पड़े तो उस को लेकर भी विद्यार्थी परिषद गुरेज नहीं करेगी।
** बोले, भगवान शंकर का श्रवण-कीर्तन और मनन करना मुक्ति के हैं मार्ग ** 7 मार्च को संपन्न होगी महाशिव पुराण कथा, 8 को मनाई जाएगी महाशिवरात्रि शिव तांडव गुफा में आयोजित हो रही महाशिव पुराण कथा के अंतर्गत आज 9वें दिन कथावाचक आचार्य हेमंत भारती ने भक्तजनों को बताया कि मानव को महेश्वर का श्रवण-कीर्तन और मनन सदैव करते रहना चाहिए। भगवान शंकर का श्रवण-कीर्तन और मनन ये तीनों साधन वेद सम्मत हैं और मुक्ति के मार्ग हैं। उन्होंने बताया कि शिवलिंग भगवान शिव के निराकार स्वरूप का प्रतीक है और मूर्ति साकार रूप का। इस संसार में सिर्फ महादेव को ही मूर्ति एवं लिंग दोनों के रूप में पूजा जाता है। वहीं, कथा के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए शिव तांडव गुफा विकास समिति के प्रधान राम रतन तंवर ने बताया कि इस कथा को 7 मार्च को यज्ञ में पूर्ण आहुति के साथ विराम दिया जाएगा और 8 मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व बहुत ही हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जाएगा। 9 मार्च को सभी भक्तजनों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शंभू परिवार के सदस्यों के के साथ साथ अमरीश ठाकुर, मन्नू भारद्वाज, गुमान सिंह कंवर, हरि सिंह पाल, लायक राम शर्मा, कुनिहार एवं उसके आसपास की सैकड़ों भक्तजन प्रतिदिन इस कथा में सम्मिलित होकर के इस कथा का श्रवण एवं रसास्वादन कर रहे हैं।
- तीसरे वर्ष भी नशा मुक्त मेला आयोजित करने का फैसला - 17 मार्च से शुरू होगी प्लाट आवंटन प्रक्रिया शुरू - मेले के सफल आयोजन के लिए उप कमेटियां गठित -सांस्कृतिक संध्या व खेल प्रतियोगिताओं का भी होगा आयोजन - 27 से 30 मार्च तक होगा मेले का अयाोजन खनियारा का ऐतिहासिक छिंज मेला 27 मार्च से शुरू हो रहा है। 30 मार्च तक चलने वाले मेले के सफल आयोजन को लेकर बैठक मेला कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन ईश्वर ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि दुकानों के लिए पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्लाट आवंटन किया जाएगा। वहीं, तीसरे वर्ष भी मेला नशा मुक्त घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। मेले में दुकान उसी व्यक्ति व दुकानदार को मिलेगी, जो मेले के भीतर किसी भी तरह के नशे को न बेचेगा। यदि नशा बेचते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई के तौर पर तुरंत दुकान खाली करवाकर पुलिस के पास मामला दर्ज करवाया जाएगा। मेले के लिए दुकान आवंटन प्रक्रिया 17 मार्च से शुरू हो जाएगी। 27 मार्च को होगा खेलपात्र का आयोजन बीते वर्ष की मेला उप मकेटियों को यथावत रखा गया है। यह जानकारी मेला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि 27 मार्च को इंद्रु नाग मंदिर में खेलपात्र का आयोजन होगा। 28 मार्च को इंद्रु नाग देवता की छड़ी मुख्य मंदिर से कटासनी माता मंदिर होते हुए छिंज मैदान पटोला पहुंचेगी। इसके साथ ही दंगल शुरू होगा। 29 मार्च को मुख्य दंगल व बड़ी माली होगी। महिला कुश्ती को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। 29 मार्च को ही सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा। 30 मार्च को मेला व खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आगामी बैठक में मुख्यातिथि चयन, माली राशि को तय करने सहित सांस्कृतिक संध्या को लेकर अंतिम रूप देने सहित बजट पर चर्चा होगी। ये उप कमेटियां गठित मेले के सफल आयोजन के लिए गठित उप कमेटियों में स्वागत कमेटी, पूजा उप कमेटी, छड़ी यात्रा उप कमेटी, मार्किंग उप कमेटी, बिजली उप कमेटी, पानी उप कमेटी, अखाड़ा उप कमेटी, सुरक्षा व यातायात कमेटी, सांस्कृतिक कार्यक्रम उप कमेटी, जलपालन व्यवस्था उप कमेटी, स्पोर्ट्स उप कमेटी, सफाई उप कमेटी, मतड़ा नाग मंदिर आयोजन उप कमेटी, ऑडिट उप कमेटी का गठन किया गया है। बैठक में ये लोग रहे मौजूद बैठक में प्रधान कैप्टन ईश्वर ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लव कुमार छेत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन शिवराज थापा, सहायक कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, उपकोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव स्वास्तिक मस्ताना, देशराज पठानिया कार्यकारिणी सदस्य संजय भट्ट, नितिन कुमार व गणमान्य सदस्यों ने शिरकत की।
** बोले, एरियर मिलने में लगेंगे 33 वर्ष, सरकार एकमुश्त करे बकाया राशि का भुगतान सरकार ने जनवरी, 2016 से फरवरी 2022 तक पेंशन एरियर तथा 1 जुलाई, 2022 से मार्च, 2024 तक चार प्रतिशत महंगाई भत्ता की बकाया राशि के भुगतान बारे 4 मार्च को अधिसूचना जारी की है, जिसका पेंशनरों ने कड़ा विरोध किया है। जिला पेंशनर्सर् एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सोलन के जिला अध्यक्ष केडी शर्मा तथा महासचिव जगदीश पंवर ने प्रेस को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि इस अधिसूचना के अनुसार बकाया संशोधित पेंशन भुगतान में करीब 33 वर्ष लगेंगे और महंगाई भत्ता के बकाया भुगतान को 5 वर्ष 7 महीने की अवधि सरकार को देने में लगेगी। जिला अध्यक्ष व महासचिव सहित सभी जिला कार्यकारणी पदाधिकारियों ने ऐसी अधिसूचना पर आपत्ति जाहिर की है तथा यह आशंका जाहिर की है कि सरकार पर अफसरशाही हावी है और इसे बदनाम करने हेतु उलूल-जुलूल अधिसूचना जारी करवा कर एक मिसाल पेश की है। पेंशनरों ने इस अधिसूचना को तुरंत निरस्त करने की मांग की है। समस्त जिला पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस अधिसूचना बारे कड़ा संज्ञान लेकर बकाया राशि को एकमुश्त जारी करने के आदेश जारी करे, अन्यथा पेंशनर संघ कठोर कदम उठाने पर विवश होगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम में खेला जाएगा। 7 मार्च से इस मुकाबले की शुरुआत होगी। भारत पांच मैचों की सीरीज में तीन-एक से आगे है तो वहीं इंग्लैंड की टीम भी चाहेगी कि सीरीज के आखिरी मुकाबले को जीतकर सम्मानजनक विदाई लें। इंग्लैंड टीम के खिलाड़ी जॉनी बरेस्टो मैच से पहले प्रेस वार्ता में आए और उन्होंने कहा कि इंग्लैंड बेहतर प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि वह अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच खेल रहे हैं, जब बचपन में क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब एक लक्ष्य रखा था कि 100वां टेस्ट मैच खेलूंगा, लेकिन अब यह सपना पूरा होने जा रहा है। वहीं, धर्मशाला मैदान को लेकर जॉनी बरेस्टो ने कहां कि धर्मशाला मैदान में आउटफील्ड और विकेट को बेहतर बनाया गया है। यहां विश्व कप के मैचों के बाद रणजी के मैच खेले गए हैं, उससे भी पिच बेहतर हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिच और आउटफील्ड दोनों ही टीमों के लिए मददगार होगी। उन्होंने कहा कि आईईसी विश्व कप के दौरान आउटफील्ड की स्थिति में अब सुधार हुआ है और यहां मैच खेलने का आनंद आएगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच आखिरी टेस्ट मैच धर्मशाला के मैदान में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें मैच से पहले मैदान में जमकर पसीना बहा रही हैं। आज भारतीय टीम की तरफ से आर. अश्विन ने प्रेस वार्ता में शिरकत की और कहा कि वे धर्मशाला में अपना 100वां टेस्ट खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जगत में आए थे तो उन्होंने बतौर 20-20 क्रिकेट से खेलना शुरू किया था और आज वो टेस्ट क्रिकेट के इस बड़े मुकाम पर पहुंचे हैं। अश्विन ने कहा कि टेस्ट खेलने की अब तक की यात्रा बहुत बेहतरीन और शानदार रही है। बहुत से मैच हैं, जो यादगार हैं। जब भी आप इतना बड़ा आंकड़ा हासिल करते हैं तो उसे आंकड़े के दौरान आपकी यात्रा बेहतरीन ही रहती है। आईपीएल ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। 100वां टेस्ट न कि मेरे लिए, बल्कि फैमिली के लिए भी महत्वपूर्ण पड़ाव है। धर्मशाला के मैदान को लेकर अश्विन ने कहा कि वह 21 साल पहले भी इस मैदान में बतौर रणजी खिलाड़ी के रूप में खेल चुके हैंं। यहां पर अच्छी खासी ठंड है और इन परिस्थितियों में ढलने के लिए समय भी कम मिला है। अश्विन ने कहा कि गेंदबाजी के साथ-साथ उन्होंने अपनी बैटिंग पर भी बहुत मेहनत की है।
** दोनों टीमों के बीच 7 से 11 मार्च तक खेला जाएगा अंतिम टेस्ट मैच धर्मशाला खूबसूरत अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम एचपीसीए एक बार फिर से बड़ी मेजबानी के लिए तैयार है। 7 मार्च से 11 मार्च तक भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच यहां खेला जाएगा। दोनों ही टीमें में रविवार को धर्मशाला पहुंच चुकी हंै। वही आज सुबह बात की जाए तो इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों ने धर्मशाला के मैदान में प्रैक्टिस की और जमकर पसीना बहाया, इंग्लैंड टीम के तमाम खिलाड़ी धर्मशाला के मैदान में दिखे जहां गेंदबाजों ने गेंदबाजी का अभ्यास किया तो वहीं बल्लेबाजों ने बल्लेबाजी की। बता दें कि इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों को धर्मशाला का मैदान पसंद आ रहा है। वहीं, भारतीय टीम के खिलाड़ी भी आज मैदान में प्रैक्टिस करते हुए नजर आए। आज टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा भी यहां पहुंच गए हैं। भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच को लेकर हम तैयार : एचपीसीए सह सचिव विशाल एचपीसीए के सह सचिव विशाल शर्मा ने कहा कि एचपीसीए प्रबंधन भारत-इंग्लैंड मैच को लेकर तैयार है। उन्होंने कहा कि स्थानीय देवता इंदू्र नाग देवता के दर पर एचपीसीए ने अरदास की है, उम्मीद है कि मौसम पूर्ण रूप से साफ रहेगा। मैच वाले दिन कन्या पूजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में कोई भी बड़ा आयोजन हो, उसका हर किसी को लाभ होता है। 5 दिनों तक चलने वाले इसे टेस्ट मैच में पर्यटन को निश्चित रूप से लाभ होगा।
हिमाचल की कांग्रेस सरकार को प्रदेश हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने सुक्खू सरकार के वाटर सेस एक्ट को असंवैधानिक करार दिया है। इस फैसले के बाद राज्य सरकार जल विद्युत परियोजनाओ से वाटर सेस नहीं वसूल सकेगी। यह फैसला मंगलवार को जस्टिस त्रिलोक चौहान और सत्येन वैद्य की बेंच ने सुनाया। जानकारी के अनुसार करीब 40 बिजली उत्पादन कंपनियों ने कोर्ट में एक्ट को लेकर सरकार को चुनौती दी थी। इन कंपनियों की ओर से कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी रहे वकील अभिषेक मनु सिंघवी और भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता वर्चुअली हाई कोर्ट में पेश हुए थे। हिमाचल सरकार की ओर से दुष्यंत दवे और अन्य वकीलों ने न्यायालय में हिमाचल सरकार का पक्ष रखा था। सरकार को हर साल करोड़ों की आय की थी उम्मीद बता दें कि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही आर्थिक संसाधन जुटाने के लिए प्रदेश में चल रही बिजली परियोजनाओं पर जल उपकर लगाने का फैसला लिया था। इसके लिए विधानसभा में एक्ट बनाया गया। सरकार को इस कवायद से हर साल करीब 4000 करोड़ रुपये की आय की उम्मीद थी। हालांकि बाद में वॉटर सेस की दर की समीक्षा की गई, जिसके बाद हिमाचल को 2000 करोड़ रुपये की उम्मीद थी ।
** सीएम ने शिमला से पशु पालन विभाग की मोबाइल पशु चिकित्सा वैन को किया रवाना ** प्रदेश भर में कुल 44 मोबाइल पशु चिकित्सा वैनें विभिन्न ब्लॉकों में देंगी सेवाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के सरकार के लक्ष्य के तहत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला स्थित अपने सरकारी आवास ओक ओवर से पशु पालन विभाग की मोबाइल पशु चिकित्सा वैन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर पशु पालन मंत्री चंद्र कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदेश में कुल 44 मोबाइल पशु चिकित्सा वैनें विभिन्न ब्लॉक में अपनी सेवाएं देंगी। पशु के बीमार होने पर पशुपालक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1962 पर कॉल करके सेवा का लाभ ले सकेंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है इसी दिशा में मोबाइल पशु चिकित्सा वैन को आज शिमला से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। वैन में एक डॉक्टर और एक वेटनरी फार्मासिस्ट मौजूद रहेगा। वहीं, शानन प्रॉजेक्ट को लेकर सवाल पर सीएम ने कहा कि पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट गई है, लेकिन प्रोजेक्ट पर अब हिमाचल का हक है। हिमाचल सरकार अब सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखेगी।
आनी पुलिस की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दोगला पुल के समीप एक बस को चेक किया तो हरियाणा के एक व्यक्ति से 1.140 किलोग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी की पहचान महावीर (56) पुत्र माहा सिंह निवासी गांव व डाकघर शामरी तहसील गोहाना जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना आनी में धारा 20, मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करके 3 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हिमाचल की सुक्खू सरकार लोकसभा चुनाव व पार्टी की हो रही फजीहत को देखते हुए लोक लुभावनी घोषणाएं कर रही है। आज जब लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और कांग्रेस अपनी झूठ गारंटियों का हश्र 4 राज्यों में देख चुकी है। आज मुख्यमंत्री मात्र डैमेज कंट्रोल और जनता में अपनी खराब हुई छवि को समेटने के चक्कर में घोषणाएं कर रहे हैं, जबकि बजट में इन बातों के लिए कोई भी प्रावधान नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री या तो खुद को बहुत चतुर समझते हैं या फिर हिमाचल की जनता को मूर्ख। बार-बार खाली खजाने की दुहाई देने वाले सीएम आज लोकसभा चुनाव को सामने देख एक बार फिर जनता को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीअपनी चतुराई दिखाते हुए यह भूल जाते हैं कि जब बजट में प्रावधान नहीं तो 1500 रुपये कहां से देने की बात कर रहे हैं। हिमाचल की जनता भोली हो सकती है पर अनपढ़ व अज्ञानी नहीं, उन्हें पता है कि जिस योजना को शुरू किया जाना होता है, उसके लिए पहले बजट में प्रावधान करना आवश्यक होता है। उन्होंने सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं कि अप्रैल फूल बनाया जैसी बात कह कर पल्ला झाड़ जायें।
** बोले, विधायकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या कर रही यह सरकार नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में संपन्न राज्यसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की सरकार अल्पमत में आ गई है। इसी कारण बजट पारित करने के पहले भारतीय जनता पार्टी के 15 विधायकों को को निलंबित करके बजट पारित कराया गया। बीजेपी के विधायकों को निष्कासित करना इस बात का सबूत है कि सरकार अल्पमत में आ गई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि अपनी सरकार को बचाए रखने के लिए कांग्रेस सरकार अब नया यह षड्यंत्र रच रही है। कांग्रेस सरकार विशेषाधिकार कमेटी द्वारा बीजेपी के सात विधायकों को नोटिस देकर निष्कासित करने का प्रस्ताव लाकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को बचाने का प्रयास कर रही है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को यह समझ आ गया है कि वह बहुमत खो चुके हैं और सत्ता में बने रहने के लिए उनके पास संख्या बल नहीं है। इसलिए नियमों की धज्जियां उड़ाकर विधायकों को निष्कासित करने का जो प्रयास हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार कर रही है वह आज तक भारत के इतिहास में किसी भी विधानसभा में नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह विधायकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। लोकतंत्र में इस तरह की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार के इस षड्यंत्र की कड़ी निंदा करती है। बजट पारित होने के बाद बजट पारित होने के 5 दिनों के पश्चात प्रदेश की महिलाओं को सम्मान निधि के रूप में 1500 रुपए देने की घोषणा करने से स्पष्टहै कि मुख्यमंत्री स्वयं ही इस बात को महसूस कर रहे हैं कि उनके पास सरकार चलाने का बहुमत नहीं रह गया है। एक तरफ मुख्यमंत्री आर्थिक बदहाली का जिक्र कर रहे हैं दूसरी तरफ विधायकों को कैबिनेट दर्जी से नवाज रहे हैं। इस प्रकार के कामों से उनकी स्थिति और हास्यास्पद हो गई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के विधायक, कार्यकर्ता, पदाधिकारी और मंत्री सरकार से खुश नहीं हैं। मंत्री लोग मंत्री परिषद की बैठकर छोड़कर रोते हुए बाहर निकल रहे हैं। वर्तमान सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है क्योंकि उसके पास विधानसभा में बहुमत नहीं है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज हिमाचल दौरे पर आ रहे हैं। वे हिमाचल वासियों को करोड़ों रुपये की सौगातें देंगे। जानकारी के मुताबिक सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री हमीरपुर जिले के दोसड़का में कई सड़क परियोजनाओं की आधाशिला रखेेंंगे। गडकरी 110 किलोमीटर लंबी हमीरपुर-मंडी सड़क का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बनने से हमीरपुर से मनाली की दूरी 124 किलोमीटर से कम होकर 110 किमी रह जाएगी। इस प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाने का काम पिछले एक साल से चल रहा था। लोकसभा चुनाव को देखते हुए केंइ्र सरकार ने अस परियोजना पा काम करना शुरू कर दिया है। अब देखना होगा कि ये प्रोजेक्ट कितने समय में बनकर तैयार होता है।
हिमाचल के सोलन जिला में सोमवार देर रात भूस्खलन होने से गिरे मलबे में दो मजदूर दब गए, जिनकी दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कसौली विधानसभा हलके के गाहर गांव में निजी कंपनी की ओर से फ्लैट का निर्माण किया जा रहा था। सोमवार देर रात 12:30 बजे पहाड़ी से लैंडस्लाइडिंग हुई और मलबा मजदूरों के अस्थायी शेड पर आ गिरा। मजदूर मलबे के नीचे दब गए। वहीं, जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि, दोनों मजदूरों को बचाया नहीं जा सका। मलबे से शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूजीसी से विश्वविद्यालय की मान्यता मिलने के पश्चात केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली का पहला दीक्षांत समारोह नई दिल्ली में 7 मार्च को आयोजित होने जा रहा है। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगी, वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बतौर विशिष्ट अतिथि समारोह में शिरकत करेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी प्रथम दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। जानकारी देते हुए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर (हिमाचल) स्थित वेदव्यास परिसर की निदेशक प्रोफेसर सत्यम कुमार ने बताया कि वेदव्यास परिसर के कुल 263 छात्र-छात्राओं सहित 21 आचार्य एवं 5 कर्मचारी भी मंगलवार को इस दीक्षांत समारोह में भाग लेने हेतु दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के पूर्व छात्र विश्वविद्यालय में आयोजित अलुम्नी मीट के लिए इक_ा हुये। यह कार्यक्रम विभिन्न बैचों के पूर्व छात्रों का एक साथ लाया, जो अपने विश्वविद्यालय के दिनों की यादगार यादों को ताजा करने के लिए उत्सुक दिखे। इस अवसर पर हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. नंद लाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। भारतीय वानिकी अनुसंधान और शिक्षा परिषद के डीडीजी और निदेशक अंतर्राष्ट्रीय सहयोग विनय कुमार और ओमनी फ्लावर कनाडा के एमडी देवेंदर आसी विशिष्ट अतिथि थे। उपस्थित लोगों में कई भारतीय वन सेवा अधिकारी, विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक उद्यमों के प्रशासक, प्रगतिशील किसान और उद्यमी शामिल थे। इस कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय सोलन से 1971 बैच के पासआउट राम लाल शर्मा ने भाग लिया, जो इस बैठक में उपस्थित सबसे पुराने पूर्व छात्र थे। इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार ठाकुर ने इस यादगार कार्यक्रम के लिए नौणी में एकत्र हुए देश-विदेश के आए पूर्व छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन के दौरान, डॉ. नंद लाल शर्मा ने अपने विश्वविद्यालय के दिनों को याद किया और पूर्व छात्र एसोसिएशन द्वारा स्थापित कॉर्पस फंड में योगदान करने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि सभी विश्वविद्यालय के विकास में अपनी भूमिका निभा सके। उन्होंने पूर्व छात्रों से वर्तमान छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा करने, मार्गदर्शन और कौशल वृद्धि चर्चाओं को बढ़ावा देने का आग्रह किया। डॉ. नंद लाल शर्मा और देविंदर आसी दोनों ने कॉर्पस फंड में 1 लाख रुपये का योगदान दिया जबकि अनेक प्रतिभागियों ने भी इस फंड में अपना योगदान दिया। इस मौके पर आभार व्यक्त करते हुए कुलपति डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल ने संस्थान के भविष्य को आकार देने में पूर्व छात्रों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन और पूर्व और वर्तमान छात्रों के बीच संबंध मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में 6 मार्च को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में आयुष, युवा सेवाएं और खेल, कानून एवं विधि परामर्श मंत्री यादवेंद्र गोमा मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय में इस वर्ष में होने वाली शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक गतिविधियों में सफल रहे छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
लोअर लंबागांव में सड़क के बीचों बीच पड़े गड्ढे बड़े हादसा को न्योता दे रहे हैं। लोअर लंबागांव के मुख्य बाजार से लेकर जयसिंहपुर की तरफ जगह-जगह सड़क के बीच गड्ढे ही दिखाई दे रहे है। गौरतलब है कि जब भी सड़क में पड़े गड्ढे के बारे में संबंधित विभाग को सूचित किया जाता है तो यहां मिट्टी डालकर इन्हें भर दिया जाता है और कुछ दिनों में वैसे ही गड्ढे दोबारा पड़ जाते हंै। लेकिन जब भी बारिश होती है तो सड़क में पड़े गड्ढे पानी भरने से वाहन चालक भी इसका अंदेशा भी नहीं लगा पाता कि गड्डा कितना गहरा है। बीते दो दिन से जिस तरह बारिश हो रही थी, जिससे दो पहिया वाहन गिरते-गिरते बचा। उधर, लोकनिवि एक्सईएन विजय वर्मा ने बताया कि लोअर लंबागांव बाजार की सड़क का कार्य जल्दी ही पूरा कर दिया जाएगा।
** मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया एलान, 5 लाख से अधिक महिलाएं होंगी लाभान्वित ** योजना से जुड़ेगा हर परिवार, प्रति वर्ष 800 करोड़ रुपये होंगे खर्च हिमाचल में 18 से 80 वर्ष की सभी महिलाओं को 1500 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी और यह पेंशन वित्त वर्ष 2024-25 में मिलना शुरू हो जाएगी। यह बड़ा एलान प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला लाहौल-स्पीति के बाद वित्त वर्ष 2024-25 से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया गया है। योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा। इसके लिए फॉर्म भरे जाएंगे। इस योजना से प्रत्येक परिवार सीधे-सीधे जुड़ेंगे। इस योजना पर 800 करोड़ रुपये प्रति वर्ष खर्च होगा। जब सरकार बनी तो प्रदेश की आर्थिक स्थिति थी खराब मुख्यमंत्री ने शिमला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पहले से दी जा रही 1150 रुपये पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष पहले जब कांग्रेस की सरकार बनी, तो उस समय प्रदेश की आर्थिक स्थिति बदहाल थी। प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, कर्मचारियों की 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां थीं। लेकिन अपनी सार्थक नीतियों व कार्यक्रमों के बाद हमने इसका सामना किया। एक-एक कर पूरी की जा रहीं सभी गारंटियां सीएम ने कहा कि सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में पहली गारंटी पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किया। दूसरी 650 करोड़ रुपये की गारंटी राजीव गांधी स्टार्टअप योजना को तीन चरणों में शुरू की। तीसरी अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोलने की थी, उसे इस सत्र से पूरा किया जा रहा है। चौथी गारंटी के रूप में गाय के गोबर खरीद योजना को लागू किया। गाय के दूध की खरीद में 13 और भैंस के दूध में 23 रुपये की वृद्धि की। प्राकृतिक खेती पर भी एमएसपी को लागू किया।
भारतीय डाक विभाग द्वारा 6 मार्च से 11 मार्च तक 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग तक के छात्र-छात्राओं के लिए अंतरराष्ट्रीय पत्र प्रतियोगिता-2024 का आयोजन कर रहा है। यह जानकारी डाक मंडल सोलन के अधीक्षक राम देव पाठक ने दी। राम देव पाठक ने कहा कि प्रतियोगिता का विषय '150 साल पुराने, यूपीयू ने आठ पीढ़ियों से अधिक समय तक दुनिया भर के लोगों की सेवा की है। तब से दुनिया काफी बदल गई है। आने वाली पीढ़ियों को उस दुनिया के बारे में एक पत्र लिखे, जिसके बारे में आप आशा करते है कि वे उन्हें विरासत में मिलेगी निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के विषय में अधिक जानकारी डाक विभाग की वेबसाइट www.indiapost.gov.in से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पत्र लेखन प्रतियोगिता भारतीय डाक विभाग द्वारा 11 मार्च से पहले निर्धारित स्कूलों में आयोजित की जाएगी।
** राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने चालक मदन के निधन पर जताया शोक किन्नौर जिला के निगुलसरी में भारी भू-स्खलन से अवरुद्ध हुए राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 की बहाली कार्य में जुटे एलटी चालक मदन पर पहाड़ी से भारी चट्टान गिर गई, जिस कारण उनका निधन हो गया। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया व उनके समस्त परिवार के साथ सांत्वना व्यक्त की। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि कुल्लू जिला के 27 वर्षीय एलटी चालक मदन ने गत वर्ष निगुलसरी में अवरुद्ध हुए सड़क मार्ग की बहाली में सरहानीय कार्य किया था तथा दिन-रात एक कर सड़क की बहाली सुनिश्चित की थी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की तथा उनके परिवार को इस असहनीय क्षति को सहन करने के लिए भी ईश्वर से प्रार्थना की।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बलाहर की पूर्व छात्रा खेल कोटे से नौकरी पाकर शास्त्री अध्यापिका बन गई हैं। यह विश्वविद्यालय के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण है। मोनिका मुमता (समलोटी) नगरोटा बगवां से हैं और उन्होंने 2019 में शास्त्री, 2022 में बीएड और 2023 में आचार्य की डिग्री केंद्रीय संस्कृत विश्विद्यालय बलाहर से प्राप्त की है। वेदव्यास परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुुमारी ने बताया कि राजकीय माध्यमिक पाठशाला बढ़हूं (सुनहेत )में मोनिका को नियुुक्ति मिली है। वहीं परिसर के क्रीड़ा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि मोनिका राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय स्तरीय व अंतर विश्वविद्यालय खो-खो प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं, जिसके आधार पर हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित 3 प्रतिशत खेल कोटे के आधार पर उसे सीधी नियुक्ति मिली है। डॉ. संजय कुमार मनकोटिया सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा तथा खेल ने बताया कि यह केंद्रीय संकेत विश्वविद्यालय के वेद व्यास परिसर के इतिहास में पहली बार है जब खेल कोटे में किसी शास्त्री अध्यापिका की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग में हुई है। उन्होंने बताया कि मोनिका एक अनुशासित खिलाड़ी रही है और यह अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं। वेद व्यास परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुमारीने कहा कि मोनिका ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लिया और आज उसे इसका फल मिला है। उन्होंने कहा कि मोनिका जैसी अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं के लिए प्रोत्साहन है और यह दर्शाता है कि शिक्षा और खेल दोनों में उत्कृष्टता प्राप्त करना संभव है।
** बोले, वित्तीय कुप्रबंधन और प्रदेश को पीछे ले जाने के लिए जानी जाएगी कांग्रेस सरकार नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि 15 महीने में प्रदेश के लोगों के लिए कुछ भी नहीं कर पाई है। विकास का एक भी काम वर्तमान सरकार के कार्यकाल में नहीं हो पाया है। पिछली सरकार द्वारा किए गए विकास के कामों पर ब्रेक अलग लगा दी गई है। आज तक ऐसी 'नॉन परफार्मिंग' सरकार किसी ने भी नहीं देखी। सरकार का काम होता है विकास के काम करना, जनहित के फैसले लेना, जनता को सुविधाएं देने वाले संस्थान खोलना और जनहितकारी योजनाएं बनाकर उसे लागू करना, लेकिन वर्तमान सरकार इन सभी मामलों में फिसड्डी साबित हुई है। सरकार सभी काम जन अपेक्षा के विपरीत कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार का काम होता है कि सरकार चुनाव के समय अपनी पार्टी के द्वारा जनता से किए वादे पूरे करने का काम करती है। लेकिन मुख्यमंत्री और कैबिनेट के नेताओं को यह भी याद नहीं है कि चुनाव के समय वे और उनकी पार्टी ने प्रदेश के लोगों से क्या-क्या वादा किए है, उन्हें ठगने के लिए क्या-क्या सब्ज़बाग दिखाए हैं। अब तो विधान सभा के अंदर ही सरकार के नुमाइंदे मुकर रहे हैं कि उन्होंने ऐसा कुछ कहा ही नहीं। ' करने के बजाय विधायकों को 'फैसिलिटेट' कर रही यह सरकार जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार के लोगों को जब याद ही नहीं है तो वह अपने वादे पूरे कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले से तय किया था कि चुनाव जीतने के लिए प्रदेश के लोगों से सिफ़र् झूठ बोलना था। यही कारण है कि आज जनता के बीच रहने वाले कांग्रेसी विधायकों को जनता के बीच जाना मुश्किल हो रहा है। जनता के सवालों के जवाब देना और उनसे नजरें बचाना मुश्किल हो रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस के कई कद्दावर नेता और मंत्री अपनी सरकार को ही आंख दिखा रहे हैं क्योंकि जनता उनका रास्ता रोक कर गारंटियों की याद दिला रही है। लेकिन सरकार है कि जनता को 'फैसिलिटेट' करने के बजाय विधायकों को 'फैसिलिटेट' करने पर ध्यान दे रही है। ऐसे में आम आदमी का क्या दोष है यह जनता जानना चाहती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह सरकार भविष्य में अपनी नाकामियों और वित्तीय कुप्रबंधन के लिए जानी जाएगी। यह सरकार कर्ज तो हर महीने लेती है, लेकिन जनहित के कामों कोसों दूर है। वर्तमान सुक्खू नीत कांग्रेस सरकार को प्रदेश लोग एक झूठी, जनविरोधी, विकास विरोधी, प्रदेश को आगे बजाय पीछे ले जाने वाली और नाकाम सरकार के रूप में याद करेंगे, जिसने लोकप्रियता के बजाय 'लोकप्रियता' का खिताब हासिल था।
कांशी राम राजकीय महाविद्यालय डाडासीबा में आज करियर एंड गाइडेंस सेल तथा रोड सेफ्टी क्लब द्वारा संयुक्त रूप से एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य वाहनों की अनैतिक रूप से की जा रही मोडिफिकेशन के नुकसान तथा ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के विविध अवसरों पर प्रकाश डालना था। इस कार्यशाला में मारुति सुजुकी इंडिया के अंतर्गत विख्यात व्हीकल ऐड कांगड़ा, सुनहेत के वर्कशॉप मैनेजर विजय कांैडल व बॉडीशॉप मैनेजर कुलदीप ने ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में सुजुकी मोटर के योगदान तथा कंपनी द्वारा प्रदत्त विविध रोजगार के अवसरों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इसके साथ ही वाहनों के गैरकानूनी मॉफिफिकेशन को रोकने हेतु दंड के प्रावधानों पर प्रकाश डाला। महाविधालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. जतिंदर कुमार ने रिसोर्स पर्सन का स्वागत किया। मंच का संचालन करियर एंड गाइडेंस सेल के इंचार्ज प्रो. रामपाल ने व धन्यवाद प्रस्ताव रोड सेफ्टी इंचार्ज प्रो. पलक सिंह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. दविंदर सिंह, खेम चंद, शीतल व लिपिक रामदयाल भी उपस्थित रहे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने प्रदेश सरकार से शिमला और मंडी में संचार क्रांति के मसीहा रहे स्व. पंडित सुखराम की प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग उठाई है। आश्रय शर्मा ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि स्व. पंडित सुखराम ने देश और प्रदेश में जो संचार क्रांति लाई, उसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में 90 के दशक में ऑप्टीकल फाइबर बिछाई और आज दिन तक पूरा प्रदेश इसी के दम पर हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा हासिल कर पा रहा है। उस दौर में प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में हेलिकॉप्टरों के माध्यम से टेलिफोन एक्सचेंज की मशीनरी पहुंचाकर उन्हें स्थापित किया और गांव-गांव के घर-घर में टेलिफोन की घंटियां बजाकर लोगों को एक-दूसरे के साथ जोड़ने का सराहनीय कार्य किया। गांव-गांव में पीसीओ स्थापित किए और उसके माध्यम से लोगों को रोजगार के साथ जोड़ा। स्व. पंडित सुखराम ने अपने कार्यकाल में देश में जो संचार क्रांति लाई आज उसी के दम पर करोड़ों लोगों को रोजगार मिला है और इस क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। इस देश में कृषि क्रांति के बाद अगर कोई दूसरी क्रांति लोगों के लिए हितकारी साबित हुई है तो वह संचार क्रांति ही है। आज पंडित सुखराम हमारे बीच में नहीं है, लेकिन उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य युगों युगों तक मानव जाति के उत्थान के लिए काम आते रहेंगे। इसलिए ऐसी महान विभूति की राजधानी शिमला के रिज मैदान पर और उनके अपने गृह जिला के मुख्यालय के प्रमुख स्थान पर प्रतिमा का होना बेहद जरूरी है। इसलिए हम सरकार से मांग करते हैं कि सरकार जल्द से जल्द रिज मैदान पर और मंडी में प्रतिमा के लिए जमीन उपलब्ध करवाए और तुरंत प्रभाव से इसकी स्थापना भी की जाए, ताकि भावी पीढ़ियों को उनके द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी मिलती रहे।
** रिज मैदान से 20 टीमों को हरी झंडी दिखाकर राफ्टिंग के लिए रवाना किया ** आज से 9 मार्च तक बसंतपुर के निकट सतलुज नदी में आयोजित होगी चैंपियनशिप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से 4 से 9 मार्च तक बसंतपुर के निकट सतलुज नदी में आयोजित की जा रही एशियन रिवर राफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेने वाली टीमों को हरी झंडी दिखाकर चैंपियनशिप शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में नेपाल, भूटान, श्रीलंका, ईरान, इराक, तजाकिस्तान, कजाकिस्तान तथा इंडोनेशिया सहित 20 टीमें भाग ले रही हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में जिला हमीरपुर के नादौन में राफ्टिंग मैराथन और गत वर्ष जिला शिमला के जुन्गा में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। राज्य में लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए साहसिक खेल गतिविधियों का आयोजन करवाया जा रहा है। इससे प्रदेश ने राजस्व बढ़ोतरी के साथ-साथ लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होती है।
** कहा, गुटों में विभाजित कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही ** अपने ही मुख्यमंत्री पर आई आपदा में अवसर तलाश रहे कांग्रेसी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विवेक शर्मा ने कहा कि गुटों में विभाजित कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। आकाओं को खुश करने के लिए विधायकों के पुतले फूंके जा रहे हैं। पार्टी नेता बयान पर बयान जारी कर खुद पर हुए अन्याय की बात कर रहे हैं। वहीं, अभिव्यक्ति की आजादी की बात करने वाले और न्याय यात्रा कर रहे राहुल गांधी अपने ही नेताओं के साथ हो रहे अन्याय पर मौन हैं। विधायकों के घरों की सुरक्षा इस प्रकार बढ़ा दी गई है, जैसे वे विधायक नहीं, राजनीतिक अपराधी हाउस अरेस्ट हों। आखिर हिमाचल में हो क्या रहा है। अस्थिरता का आलम यह है कि शौचालय गया हुआ मंत्री अगर 10 मिनट तक बाहर ना आए तो सुरक्षा कर्मी शीशे से अंदर झांक रहे हैं। कुछ लोगों को यह विघटन लव जिहाद दिख रहा है, पर सच्चाई यह है कि अपने ही मुख्यमंत्री पर आई आपदा में कांग्रेसी अवसर तलाश रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में सियासत का पारा काफी चढ़ा हुआ है। अपने ही सीएम से नाराज चल रहे प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह बीते तीन दिन से दिल्ली में डेरा जमाए बैठे हैं। उन्होंने रविवार देर शाम को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है। सूत्रों की मानें तो उन्होंने प्रियंका गांधी और वेणुगोपाल को अपनी नाराजगी की वजह बताई है साथ ही हिमाचल प्रदेश में चल रहे वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम से अवगत कराया है। वहीं, उनके भाजपा में जाने या नई पार्टी का गठन करने की अटकलों पर भी अब विराम लग गया है। विक्रमादित्य सिंह ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में हुई क्रॉस वोटिंग के बारे में भी प्रियंका गांधी को बताया साथ ही किन हालात के चलते कांग्रेस के छह विधायक नाराज हुए, इसकी जानकारी भी दी है। आज वे वापस शिमला लौट सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. नागराज पवार ने बताया कि कुल्लू जिले में आज राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस के अवसर पर 29617 बच्चों को पल्स पोलियो ड्रॉप पिलाई गई। उन्होंने बताया कि जिले में स्थापित 402 बूथ पर 28004 बच्चों को,जबकि हाई रिस्क एरिया में सभी 196 बच्चों को और जिले के विभिन्न स्थानों पर स्थापित 10 ट्रांजिट बूथों पर 667 बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई गई है। कुल्लू जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 31 521 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने बताया कि जिले में लक्ष्य का 94.12 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। जिले में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फ गिरने के कारण अविभावक कुछ बच्चों को बूथ तक नहीं ला पाए उन सभी बच्चों को 5 मार्च को घर-घर जा कर पल्स पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी।
** डेढ़ लाख की नकदी व 2 लाख के गहनों सहित सारा सामान जलकर राख ** घटना में बाल-बाल बचीं घर पर मौजूद 2 महिलाएं संगड़ाह की नौहराधार तहसील की गवाही पंचायत के जामल गांव में आसमानी बिजली गिरने से राम लाल शर्मा का मकान जलकर राख हो गया। घटना में करीब 2 लाख के गहने, डेढ़ लाख की नकदी और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार प्रभावित राम लाल शर्मा का परिवार अपने रिश्तेदार के घर शादी समारोह में गया हुआ था और घर में केवल उनकी बहन दया देवी व भांजी थीं। शाम को अचानक साथ लगते कमरे में जोरदार धमाका हुआ और आग की लपटें उठीं। समय रहते दोनों रसोई से बाहर निकल गई, जिस कारण दोनों की जान बच गई, हालांकि हादसे में दया देवी आंशिक रूप से घायल हो गई हैं। आग की लपटों को देखकर गांव वाले भी मौके पर पहुंचे, मगर आग इतनी तेजी से फैली कि सब कुछ राख हो गया। वहीं, स्थानीय पंचायत की प्रधान सीमा धीमान ने बताया कि रविवार को पटवारी द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की गई है। अब तक प्रशासन की ओर से कोई तुरंत राहत नहीं मिली है। उन्होंने जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार से प्रभावित परिवार की जल्द से जल्द मदद करने की अपील की है।
पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत रविवार को जिला कांगड़ा में 0 से 5 साल तक के 107030 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉक्टर सुशील शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा इस अभियान के अंतर्गत शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 1070 पोलियो बूथ स्थापित किए गए थे, जिन पर 4268 टीम मेंबर तैनात किए गए थे। इसके अतिरिक्त 21 ट्रांजिट प्वाइंट तथा 173 अति जोखिम वाले क्षेत्र जैसे झुग्गी झोपड़ी, ईट भट्टे, निर्माण कार्य वाली जगह, क्रशर पर कार्य करने वाले श्रमिक तथा प्रवासी परिवारों के बच्चों को दवाई पिलाई गई। उन्होंने बताया कि हमारा यह प्रयास रहेगा कि कोई भी बच्चा छूटने ना पाए। पोलियो बूथ पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बच्चों को दवाई पिलाई गई तथा चार और पांच मार्च को स्वास्थ्य कर्मी घर घर जाकर सर्वे करेंगे तथा अगर कोई बच्चा छूट गया होगा तो उसे दवाई पिलाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी कारणवश कोई बच्चा छूट गया हो तो घर-घर जब पोलियो सर्वे के लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी आएंगे तो बच्चे को ड्रॉप्स पिलाना सुनिश्चित करें।
** कहा, समाज के नवनिर्माण में साहित्य की भूमिका अहम कुल्लू साहित्य उत्सव का आयोजन इस वर्ष की भांति प्रति वर्ष किया जाएगा तथा इसके माध्यम से देश के प्रमुख लोगों को आमंत्रित कर साहित्य की विविध विधाओं पर चर्चा के माध्यम से समाज के नवनिर्माण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी। यह बात कुल्लू साहित्य उत्सव कोर समिति सदस्य एवं वरिष्ठ लेखक व समीक्षक डॉ. निरंजन देव शर्मा ने मोनाल कैफे, ढालपुर, कुल्लू आयोजित हाल ही में संपन्न हुए कुल्लू साहित्य उत्सव-2024 की समीक्षा बैठक के दौरान कही। डॉ. निरंजन देव शर्मा ने बताया कि साहित्य का आविर्भाव भी इसी समाज से होता है, जिसे रचनाकार अपने भावों के साथ मिलाकर उसे एक आकार देता है तथा यही रचना समाज के नवनिर्माण में पथ-प्रदर्शक की भूमिका निभाने लगती है। उन्होंने कहा कि साहित्य वह सशक्त माध्यम है, जो समाज को व्यापक रूप से प्रभावित करता है।
** तेगु बहेड अस्पताल में 10 बिस्तरों वाले बर्थ वेटिंग रूम का किया लोकार्पण ** अस्पताल में ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनेलाइजर मशीन का लोकार्पण भी किया राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस पर आज मुख्य संसदीय सुंदर सिंह ठाकुर ने नागरिक अस्पताल तेगु बहेड में शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के शिशुओं को पल्स पोलियो ड्रॉप्स पिलाकर जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। मुख्य ससंदीय ने इस अस्पताल में 10 बिस्तरों वाले बर्थ वेटिंग रूम का लोकार्पण भी किया। उन्होंनेे कहा कि इस बर्थ वेटिंग रूम के आरंभ होने से दूर दराज क्षेत्र की गर्भवती महिलाएं यहां प्रसव से 15 दिन पूर्व दाखिल हो सकंगी तथा उन्हें यहां पर सभी प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्य संसदीय सचिव ने तेगु बहेड अस्पताल में ऑटोमेटिक बायोकेमिस्ट्री एनेलाइजर मशीन का भी लोकार्पण किया। इस मशीन में 38 व्यक्तियों के एलएफटी, आरएफटी लिपिट प्रोफाइल से सम्बंधित लगभग डेढ़ दर्जन टेस्ट एक साथ हो सकेंगे।
** अभी इंडी गठबंधन सीटों के समझौतों में उलझा है और बीजेपी ने 195 प्रत्याशी भी उतार दिये ** बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं की मेहनत जितनी ज्यादा होगी, जीत उतनी बड़ी होगी नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेेंद्र मोदी तीसरी बार भी भारत के प्रधानमंत्री बने यह भारतीय ही नहीं पूरा विश्व चाहता है। दुनिया के हर कोने से उनके समर्थन में लोग खड़े हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास की ऐतिहासिक गाथा लिखी है, इसलिए हर भारतीय चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश फिर से प्रधानमंत्री बने। यह लक्ष्य आसानी से तभी हासिल होगा जब हर कार्यकर्ता पूरी ताकत से जमीन पर कार्य करेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि बूथ लेवल पर कार्यकर्ता जितना जी-जान से काम करेगा, बीजेपी की जीत उतनी ही बड़ी होगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि बीजेपी हिमाचल प्रदेश के लोगों के हितों को लेकर कभी खामोश नहीं बैठेगी। वह प्रदेश सरकार की नाकामियों के खिलाफ लगातार संघर्ष करती रहेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश के हर बूथ से बीजेपी ने बढ़त हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में बूथ लेवल के कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान होता है। किसी प्रकार से लोगों को असुविधा होने पर उनका ध्यान रखना, उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं से अवगत करवाना और उनका लाभ सभी को आसानी से मिले यह सुनिश्चित करना भी इन्ही ज़मीनीं कार्यकर्ताओं का दायित्व होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के उत्साह से हम आश्वस्त हैं कि बीजेपी इस बार सभी बूथों से प्रधानमंत्री को अपना आशीर्वाद देगी। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनावों में कांग्रेस नीत इंडी गठबंधन पिछली बार से भी कम सीटें पाएगी। क्योंकि उनके गठबंधन के एजेंडे में कहीं भी भारत के विकास की कल्पना नहीं है। उनके एजेंडे में अपने लाभ के सिवा कुछ भी नहीं। तभी तो बीजेपी ने जहां अपने 195 प्रत्याशी भी उतार दिये वहीं कांग्रेस और इंडी गठबंधन के बीच अभी भी सीटी के बंटवारे की लड़ाई चली हुई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस बार एनडीए गठबंधन को चार सौ से ज़्यादा सीटें मिलेगी और विपक्ष की पार्टियों को देश की जनता उनके विकास विरोधी एजेंडे कारण पूरी तरह से नकार देगी। नेता प्रतिपक्ष शिमला शहरी विधान सभा क्षेत्र के त्रिदेव और पंच परमेश्वर सम्मेलन में बोल रहे थे। इस मौके पर उनके साथ विधायक सुखराम चौधरी, बलवीर वर्मा, इंदर सिंह गांधी, सुरेंद्र शौरी, प्रकाश राणा, दिलीप सिंह ठाकुर, पूर्ण चंद, पूर्व प्रत्याशी संजय सूद, किसान मोर्चा अध्यक्ष संजीव देष्टा, मंडल अध्यक्ष सुनील धर, उपाध्यक्ष किमी सूद, मंडल सचिव तरुण राणा और शैली शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता पदाधिकारी और शिमला शहरी के सभी त्रिदेव और पंच परमेश्वर आदि उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लि. पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन उप इकाई कुनिहार की मासिक बैठक का आयोजन कुनिहार में एक निजी होटल के हॉल में किया गया। बैठक में कुनिहार, बराबरी, डुमेहर,बातल, घाघर, देवरा, कक्कड़ाहटी, सुबाथू, कुफ्टू, देवठी आदि स्थानों से बहुत अधिक संख्या में सदस्यों ने भाग लिया। सबसे पहले सभी सदस्यों ने सोलन से पधारे राज्य कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष ईं. जेसी शर्मा का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जेसी शर्मा ने अपने राज्य कार्यकारिणी द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा बोर्ड प्रबंधन के साथ उठाए गए मसलों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उसके बाद इकाई प्रधान रत्न तंवर ने बताया कि इकाई के द्विवार्षिक चुनाव आज होने हंै इसलिए एक चुनाव कमेटी ई जेसी शर्मा की अध्यक्षता में बनाई गई। इसके बाद प्रधान ने अपनी पुरानी कार्यकारिणी को भंग करने का एलान किया और नई कार्यकारिणी का गठन किया। यह रही नवगठित कार्यकारिणी पैटर्न ई. वाईके ठाकुर, प्रधान ई रत्न तंवर, वरिष्ठ उप प्रधान ई रूपेंद्र कौशल, उप प्रधान सुरेश चंद रिखी राम, रमेश चौधरी, नरेंद्र पाल, दलीप कुमार, महासचिव आरएन कश्यप, संयुक्त सचिव पीएस चौहान वित्त सचिव। एसआर कश्यप, उप वित्त सचिव सुरेश मेहता, ऑडिटर ई राजिंदर तंवर, संगठन सचिव सुनील कुमार,भूपेंद्र पाठक, सोहन लाल, मुख्य सलाहकार ई आरपी तंवर, कार्यकारिणी सदस्य गोपाल गर्ग, देवी दत्त, बृज लाल, दलवीर देवेंद्र शर्मा ,रोशन लाल, देवी चंद, रूप राम पाल, सालिग राम, मस्त राम को बनाया गया।
** मेगा ड्राइव में आठ कॉलेजों के कुल 83 छात्रों ने लिया भाग ** डिजिटल मार्केटिंग, वेब डिजाइनिंग और डेवलपमेंट फील्ड में हुआ चयन लॉरेट इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव 2024 में इस वर्ष भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। 8 कॉलेजों से कुल 83 छात्रों ने इस मेगा ड्राइव में भाग लिया, जिसमें से 25 छात्रों को डिजिटल मार्केटिंग, वेब डिजाइनिंग और डेवलपमेंट के क्षेत्रों में प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी के लिए चुना गया। संस्थान ने लगातार चौथे वर्ष कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया है, जो न केवल छात्रों के लिए, बल्कि क्षेत्र के लिए भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। यहां हर साल छात्रों को सीधे लॉरेट कैंपस से ही नौकरी मिलती है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल होता है। संस्थान के प्रबंध निदेशक डॉ. रण सिंह ने कहा कि यह प्लेसमेंट ड्राइव न केवल भाग लेने वाले छात्रों के लिए अहम है, बल्कि स्किल्ड इंडिया के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। भारत सरकार का लक्ष्य है कि देश जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाए और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में कुशल युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। यह प्लेसमेंट ड्राइव ऐसे ही कुशल युवाओं को तैयार करने में मदद करता है। जल्द आयोजित होगी कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव फेज-2 डॉ. रण सिंह ने कहा कि कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव फेज-2 का आयोजन जल्दी ही होगा, ताकि ओर छात्रों को भी रोजगार का मौका मिले। इस सफल आयोजन में लॉरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के निदेशक सह प्राचार्य डॉ. अदवत और डॉ. वर्मा भी उपस्थित थे। कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रमुख प्रो. जसबीर सिंह और कार्यक्रम प्रभारी अक्षु धीमान ने पूरे आयोजन को सफल बनाने विभाग के सह प्रो. विजय धीमान, देवरूप, बंदना धीमान, भुवनेश, ज्योति बंसल, रिम्पी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बीसीए और बीबीए कार्यक्रमों के छात्रों ने इस ड्राइव में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में अंतर्सदनीय हिंदी हास्य काव्य वाचन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस प्रतियोगिता में चिनार, देवदार, ओक और टीक सदनों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कनिष्ठ वर्ग और वरिष्ठ वर्ग के चारों सदनों के एक-एक प्रतिभागी ने हिंदी हास्य काव्य वाचना प्रतियोगिता में भाग लिया। टीक सदन से कनिष्ठ वर्ग के समर गौतम को प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार, चिनार सदन के स्वास्तिक ठाकुर को दूसरा स्थान, जबकि ओक सदन की शफक और देवदार सदन के विजेंद्र राणा तीसरे स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग का प्रथम पुरस्कार टीक सदन की काव्या ने प्राप्त किया, जबकि ओक सदन की पायसविनी को दूसरा स्थान तथा चिनार मदन के अक्षत को तीसरे स्थान पर संतुष्ट रहना पड़ा। अंतर्सदनीय हिंदी हास्य काव्य वाचन प्रतियोगिता का ओवरऑल खिताब टीक मदन के नाम रहा। प्रतियोगिता के दूसरे स्थान पर ओक सदन और चिनार सदन, जबकि तीसरा स्थान देवदार सदन ने अपने नाम किया। निर्णायक मंडल में डिंपल चुग और वंदना वर्मा, जो कि पाइन स्कूल धर्मपुर में कार्यरत उन्होंने समय देकर नन्हे बाल कवियों की खूब सराहना की। हेड टीचर पंकज शर्मा ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले चारों सदनों के प्रतिभागियों की सराहना की और विजयी सदन के विद्यार्थियों को मंच पर पुरस्कृत किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिताओं में आगे बढ़कर भाग लेना चाहिए और अपने भय को दूर करने के लिए यह अवसर उनके लिए सुनहरी होता है। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह एवं प्रबंधन प्रमुख समीक्षा सिंह ने सभी विजेताओं, आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
जसवां-परागपुर विधानसभा के अंतर्गत पड़ते पुलिस थाना रक्कड़ के स्टाफ द्वारा रविवार को वार्षिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। यहां से गुजरने वाले राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। इससे पहले यहां हवन भी कराया गया। इस मौके पर देहरा के डीएसपी अनिल कुमार और रक्कड़ थाना प्रभारी गुरदेव सिंह भी मौजूद रहे। वहीं, रक्कड़ थाना के प्रभारी गुरदेव सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भंडारे का आयोजन नरसिंह मंदिर में किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों सहित राहगीरों ने भी प्रसाद ग्रहण किया।
** अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना ने किया डीएसपी का घेराव ** डीएसपी को हिंदुत्व समर्थक संगठनों से दिक्कत क्यों ? अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना इकाई के अध्यक्ष विशाल ठाकुर ने बीते शनिवार को हुए घटनाक्रम में डीएसपी अजय ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अजय ठाकुर को भारत माता के नारों से क्या दिक्कत है, उन्होंने कहा कि कल विद्यार्थी परिषद ऊना द्वारा उपायुक्त कार्यालय ऊना के बाहर डीएसपी अजय ठाकुर के खिलाफ एक धरना प्रदर्शन किया व स्क्क को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा और कार्यकर्ताओं पर बनाए गए एकतरफा झूठे मुकदमे का विरोध दर्ज करवाया। इसी बीच डीएसपी अजय वहां आ पहुंचे व कार्यकर्ताओं से उलझने लगे। एक डीएसपी की भाषाशैली कैसी होती है ये शायद पिछले कल वो तैश में आकर भूल गए। अपनी भाषाशैली के चलते अजय ठाकुर न सिर्फ जिला ऊना, बल्कि पूरे प्रदेश में हंसी का पात्र बन रहे हैं। तरुण ने बताया कि एक तरफ डीएसपी खुद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में जाते हैं वहीं दूसरी तरफ बहन-बेटियों के साथ हो रहे ब्लात्कार की घटनाओं पर विरोध दर्ज करवाने पर झूठे मुकदमे दायर कर देते हैं। परंतु जब कांग्रेस व एनएसयूआई के लोगों द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग को घंटों जाम कर पुतले जलाये जाते हैं तो उन पर कार्यवाही न कर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का कौन सा कर्ज डीएसपी अजय ठाकुर उतार रहे हैं। तरुण ने बताया कि विद्यार्थी परिषद ने झूठी एफआईआर पर कानूनी सलाह भी ली है व इसमें शामिल झूठे तथ्यों का सबूतों व वीडियो सहित कुछ दिन में प्रेस कांफ्रेंस जल्द पर्दाफाश करेगी, जिससे डीएसपी अजय ठाकुर व एफआईआर में झूठे तथ्य देने वाले पुलिस के जवानों पर भी कोर्ट जायेगी। पुलिस ने डीएसपी अजय ठाकुर के दबाव में आकर झूठा मामला दर्ज किया है, जिसका विद्यार्थी परिषद विरोध करती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को ये चेतावनी भी दी है कि जल्द झूठे मुकदमे को वापिस लिया जाए, नहीं तो आने वाले समय में न सिर्फ जिला ऊना, बल्कि पूरे प्रदेश में डीएसपी अजय ठाकुर के पुतले जलाए जायेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी 60 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) में ई-गवर्नेंस सेवाएं शुरू कर रही है। इस पहल का उद्देश्य वृहद राज्य-व्यापी सेवा वितरण अधोसंरचना के माध्यम से एकीकृत व पूर्ण समाधान प्रदान करके नागरिकों के लिए सार्वजनिक सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राष्ट्रीय शहरी डिजिटल मिशन (एनयूडीएम) के तहत अर्बन प्लेटफार्म फॉर डिलीवरी आफ ऑनलाइन गवर्नेंस (उपयोग) प्लेटफॉर्म के कार्यान्वयन के लिए आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय और राष्ट्रीय शहरी मामलों के संस्थान के साथ त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। यह प्लेटफार्म प्रदेशवासियों के लिए एकीकृत पोर्टल प्रदान करके शहरी सेवाओं को डिजिटल बनाने और बदलने के लिए तैयार किया गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नागरिकों को शहरी सेवाओं की सरल उपलब्धता, स्वचालित स्थिति अपडेट और शहर के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित होगा, जबकि शहरी स्थानीय निकाय उत्पादकता में वृद्धि, सेवाओं की बेहतर समयबद्ध डिलीवरी, बेहतर राजस्व सृजन और डेटा-संचालित निष्पादन करेंगे। इसके अलावा राज्य सरकार को योजना और नीतियां बनाने, परियोजना लक्ष्यों के आधार पर निधि वितरण में तेजी लाने और विभिन्न शहरों के बीच नवाचार और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में वास्तविक डेटा से लाभप्रद सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामान्य एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में ई-गवर्नेंस सेवाओं को लागू करने की पहल का उद्देश्य प्रौद्योगिकी एकीकरण के माध्यम से शहरों की गवर्नेंस में पारदर्शिता, दक्षता और समन्वय को बढ़ाना है। राज्य सरकार विभिन्न विभागों में प्रौद्योगिकी के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उपयोग प्लेटफार्म की संचालन के लिए कार्यान्वयन योजना के रूप में राज्य स्तर पर स्टेट प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट की स्थापना की जाएगी। इसके अतिरिक्त इस पहल में शहरी स्थानीय निकायों में संपत्ति मानचित्रण और सर्वेक्षण के लिए ड्रोन-आधारित भौगोलिक सूचना प्रणाली का उपयोग और परिवार रजिस्टर तैयार करने के लिए प्रत्येक परिवार का सर्वेक्षण शामिल है। उन्होंने कहा कि उपयोग प्लेटफार्म माइक्रो-सेवा-आधारित डिजिटल बुनियादी ढांचा है जो राज्य सरकारों को नागरिकों के लिए शहरी सेवाओं की उपलब्धता को बढ़ाने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए सभी शहरी स्थानीय निकायों में स्थानीय रूप से प्रासंगिक ऑनलाइन समाधान प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-गवर्नेंस सेवाओं के कार्यान्वयन से राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों में नागरिकों के जीवन में महत्वपूर्ण परिवर्तन आएगा, जिससे नगरपालिका प्रशासन सरल, अधिक उत्तरदायी और पारदर्शी बनेगा।
जिला कुल्लू की दो महिला पत्रकारों पूजा कश्यप व महिमा शर्मा को महिला दिवस पर सम्मानित किया जाएगा। प्रेस क्लब कुल्लू द्वारा इस वर्ष नवोदित महिला पत्रकारों के नाम जिला प्रशासन को दिए गए हैं, जो फाइनल हो गए हैं। प्रेस क्लब के प्रधान धनेश गौतम ने बताया कि इससे पहले यह अवार्ड शालिनी रॉय भारद्वाज, नीना गौतम, कमलेश वर्मा, आशा डोगरा, रेणुका गौतम, सृष्टि शर्मा, पूजा ठाकुर, प्रियंका, लवलीन थर्माणि, सपना शर्मा, गीता, मधु आदि को प्राप्त हो चुका है। इस वर्ष दो नवोदित महिला पत्रकारों के नाम फाइनल किए गए हैं। उन्होंने दोनों महिला पत्रकारों को बधाई देते हुए कहा है कि पत्रकारिता के क्षेत्र में होनहार बालिकाओं के प्रवेश का अर्थ है कि समाज में जागरुकता आई है। पूजा कश्यप ने 2021 में जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन कुल्लू कॉलेज से की है। वर्तमान में कुल्लू के लोकल चैनल देसी चैनल में न्यूज एंकर के तौर पर कार्य कर रही हैं। पूजा न्यूज एंकरिंग, रिपोर्टिंग के साथ न्यूज एडिटर भी है और एडिटिंग का कार्य भी करती है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आईआईटी दिल्ली में अर्थशास्त्र की प्रोफेसर डॉ. सीमा शर्मा को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार-2024 के लिए इंडियन काउंसिल फॉर यूएन रिलेशनस, नई दिल्ली द्वारा चयनित किए जाने पर हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने जिला हमीरपुर की डॉ. सीमा शर्मा की उपलब्धियों पर गर्व जाहिर करते हुए अनुसंधान एवं विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश में कन्याओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत की भूमिका निभाने के लिए उनकी सराहना की। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आईआईटी दिल्ली में उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के बारे बताते हुए कहा कि आउटस्टैंडिंग यंग फैकल्टी फैलोशिप तथा टिचिंग एक्सीलेंस अवार्ड प्राप्त करना शिक्षण तथा अनुसंधान में उनकी प्रतिबद्धता को साबित करता है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने आज यहां पोलियो दिवस के अवसर पर बच्चों को पोलियो खुराक पिलाकर पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंंभ किया। उन्होंने भारत को पोलियो मुक्त बनाने के लिए देश के स्वास्थ्य तथा चिकित्सा कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में 10,963 दलों द्वारा 5,870 केंद्रों में 5,90,600 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत को पोलियो मुक्त देश घोषित किया गया है, लेकिन हमारे पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले होने के कारण नियमित अन्तराल में प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को इस अभियान के तहत कवर करने के लिए उनके घरद्वार के समीप विभिन्न पोलियो टीकाकरण केंद्र खोले गए हैं। इसके अतिरिक्त, बस अड्डों, जिलों की सीमाओं, यात्री स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण जन स्थलों पर भी पोलियो की खुराकें पिलाई जाएंगी। सरकार टीकाकरण अभियान में छूटे हुए बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए घर-घर जाकर भी अभियान आरम्भ करेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बर्फबारी तथा शीतलहर के कारण लाहौल-स्पिति, किन्नौर तथा जिला चम्बा के पांगी के अलावा पूरे प्रदेश में पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इन क्षेत्रों में 7 अप्रैल को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
जिला कुल्लू में पुलिस ने दो विभिन्न मामलों में दो लोगों से नशे की खेप बरामद की है। पहले मामले में पुलिस थाना पतलीकुहल की टीम ने 15 मील रेन शेल्टर के समीप गश्त के दौरान सोनम ज्ञाल्जन लामा (26) पुत्र ठिल्ले लामा तमांग निवासी, नेपाल हाल गांव 15 मील डाकघर बड़ाग्रां से 6 ग्राम हेरोइन बरामद की है। वहीं, एक अन्य मामले में पुलिस थाना भुंतर की टीम ने हथीथान समीप फ्रूट मार्केट फोरलेन पर गश्त के दौरान सूरत राम (40) पुत्र श्याम लाल निवासी क्षामद डाकघर दोघरी तहसील व जिला कुल्लू से 703 ग्राम चरस बरामद की है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पतलीकुहल व भुंतर में मादक पदार्थ अधीनियम के तहत अभियोग दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया जाएगा।
** शिविर में 200 लोगों की आंखों का किया गया चेकअप ** गर्ग आई हॉस्पिटल पालमपुर की टीम ने की जांच सर्वोदय ग्राम कल्याण समिति थिल्ल तहसील खुंडियां द्वारा स्थानीय पंचायत में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसमें गर्ग आई हॉस्पिटल पालमपुर के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि गर्ग ने अपनी टीम के साथ लगभग 200 लोगों की आंखों का चेकअप किया व उन्हें आंखों की उचित देखभाल करने का परामर्श दिया। इसके साथ ही निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। सर्वोदय ग्राम कल्याण समिति के प्रधान निखिल अग्न, सचिव रमेश चंद, कोषाध्यक्ष प्रितपाल, पंचायत प्रधान सुनील कुमार ने लोगों की आंखें जांचने के लिए गर्ग आई हॉस्पिटल की टीम को सम्मानित कर धन्यवाद किया। शिविर के दौरान पूर्व बीडीसी सदस्य सुनील कुमार, अध्यापक कुलदीप डोगरा व समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला पेंशनर्स संघ के प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने सुक्खू सरकार पर पेंशनर्स के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के सेवारत कर्मचारियों और अधिकारियों को तो 4 प्रतिशत डीए की किस्त मई माह से देने का करने की अधिसूचना जारी कर दी है, परंतु बुढ़ापे के कठिन दौर से गुजर रहे पेंशनर्स को महंगाई भत्ते की किस्त जारी करने की अधिसूचना जारी नहीं की है, जिस कारण हिमाचल प्रदेश के पेंशनर्स में सरकार के प्रति रोष है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को चार प्रतिशत डीए की किस्त की अधिसूचना के अनुसार सरकार द्वारा जुलाई 2022 से मार्च 2024 तक के एरियर को भी फ्रीज करने की साजिश रची जा रही है जिससे कर्मचारियों में भी रोष व्याप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि बुढ़ापे की कठिन परिस्थितियों में लाखों पेंशनर्स 2016 से छठे वेतनमान की बढ़ोतरी के बकाये का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं परंतु बढ़े हुए वेतनमान का बकाया और ग्रेच्युटी इत्यादि तो दूर, सरकार ने उन्हें 4 फीसदी महंगाई भत्ते से भी वंचित कर दिया है। सरकार को चेतावनी दी कि यदि पेंशनरों के लिए सरकार ने शीघ्र चार प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्त की अधिसूचना जारी नहीं की तो आने वाले लोकसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
नशे के खिलाफ लड़ाई में कांगड़ा पुलिस स्टेशन की पुलिस टीम ने कांगड़ा के तरसूह गांव से दो लोगों को 9.5 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। एक आरोपी की पहचान 22 साल के रितिक के रूप में की गई है, जो धर्मशाला के पास सिद्धबाड़ी का रहने वाला है। दूसरे की पहचान 23 साल के राहुल के रूप में हुई है, जो तरसूह गांव के वार्ड नंबर 5 का रहने वाला है। राहुल हेरोइन का आदी है और रितिक अपनी बाइक पर राहुल को हेरोइन बेचने के लिए तरसूह आया था। पुलिस को इस सौदे की भनक लग गई और बड़ी चतुराई से दोनों को बाइक समेत पकड़ लिया। गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी राहुल को संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में स्थानीय लोगों ने पीटा था, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था। दोनों को एनडीपीएस की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और आगे की रिमांड के लिए कल मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
** प्राचीन शिव मंदिर काठगड़ की ओर से ली गई थी स्कॉलरशिप परीक्षा प्रताप वर्ल्ड स्कूल इंदौरा के अध्यक्ष भरत भूषण महाजन, डायरेक्टर डॉ. विशाल महाजन, एमडी डॉ. रिचा महाजन, प्रिसिंपल रेणु परमार ने बताया कि विद्यालय के कुछ छात्रों ने प्राचीन शिव मंदिर काठगड़ की ओर से करवाई गई स्कॉलरशिप परीक्षा में भाग लिया था, जिसमें स्कूल के रिहान कटोच ने प्रथम स्थान, विहान सिंह द्वितीय स्थान, पांचवें स्थान पर कियाना, अनिकेत राजपूत ने दसवां स्थान और आराध्या ने 12वां स्थान प्राप्त किया। इन सभी छात्रों को शिवरात्रि पर काठगड़ मंदिर की कार्यकारिणी सभा द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल रेणु परमार ने छात्रों व उनके अभिभावकों को बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जीवन में कामयाबी के साथ ही अच्छा इंसान भी बनना अहम है। इसी से स्कूल, परिवार, समाज का नाम रोशन होता है। उन्होंने कहा कि परिश्रम और ईमानदारी से सफलता प्राप्त की जा सकती है। श्रम का महत्व असीमित है। प्रताप वर्ल्ड स्कूल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के हमेशा से तत्पर रहा है और भविष्य में भी रहेगा।
सिरमौर जिले में मूसलाधार बारिश होने और आसमानी बिजली गिरने से एक नुकसान होने की खबर है। जानकारी के अनुसार उप मंडल संगड़ाह की ग्राम पंचायत गवाही के गांव जामल के रामलाल शर्मा की एक रसोई व एक कमरा आसमानी बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त हुआ है। जब यह घटना घटी तो उस समय घर में एक महिला व एक लड़की मौजूद थी। जब घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली तो उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। यह घटना सायं लगभग 6 बजे के करीब की बताई जा रही है।


















































