सीर उत्सव के अवसर पर घुमारवीं में दूसरे दिन नशा, विशेषकर चिट्टा के खिलाफ जन-जागरूकता का संदेश देने के लिए पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा घुमारवीं के अवढाणीघाट स्थित गुग्गा मंदिर से शुरू होकर पुराने बस स्टैंड में समाप्त हुई। इस पदयात्रा का नेतृत्व नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। इस पदयात्रा में विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों, महिला एवं युवक मंडलों के प्रतिनिधियों सहित समाज के अन्य लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य समाज में व्याप्त विभिन्न नशों, विशेषकर चिट्टा के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाना रहा। इस मौके पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि चिट्टा नशा आज युवाओं के जीवन को नष्ट कर रहा है। सभी लोग चिट्टे से बचने का संकल्प लें तथा समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि नशे के लिए हमारे बच्चे और युवा इंजेक्शन लगाते हैं तथा नशीली दवाओं का सेवन करते हैं। उन्होंने बच्चों और युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों में बड़े अंतर्राष्ट्रीय गिरोह संलिप्त हैं जो किसी न किसी तरीके से हमारे युवाओं व बच्चों को नशे के जाल में फंसा रहे हैं। प्रदेश सरकार ऐसे नेटवर्क को तोड़ने के लिए कड़े कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं पुलिस ने चिट्टा नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फोरलेन मार्ग पर अवैध रूप से ले जाई जा रही लगभग 500 ग्राम चिट्टे की बड़ी खेप पकड़ी है। इस कार्य के लिए उन्होंने पुलिस विभाग की सराहना की और विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी तरह नशीले पदार्थों के खिलाफ निर्णायक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने चिट्टा के खिलाफ इस लड़ाई में समाज के विभिन्न वर्गों से आगे आने का भी आह्वान किया, ताकि इस अवैध नेटवर्क को पूरी तरह से ध्वस्त किया जा सके। राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश की ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट को कड़ाई से लागू करते हुए अब तक लगभग 40 लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। साथ ही चिट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों की अवैध संपत्तियों को भी जब्त कर नष्ट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिट्टे के अवैध करोबार में संलिप्त लगभग 4 से 5 सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया जा चुका है और करीब 60 कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई चल रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पंचायती राज संस्थाएं, विशेषकर महिलाएं, सराहनीय योगदान दे रही हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपने दायित्व को बखूबी निभाते हुए चिट्टा जैसे जानलेवा नशे के संपूर्ण उन्मूलन के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को नशे, विशेषकर चिट्टे के खिलाफ लड़ने तथा संपूर्ण उन्मूलन की शपथ भी दिलाई।
सीर उत्सव के अवसर पर नागरिक चिकित्सालय परिसर घुमारवीं में बहु-विशेषज्ञ हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न नामी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को निःशुल्क परामर्श और उपचार प्रदान किया। इस शिविर का शुभारम्भ तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया। इस शिविर के आयोजित होने से घुमारवीं क्षेत्र के लोगों को घर-द्वार ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ मिला है। इस अवसर पर बोलते हुए राजेश धर्माणी ने कहा कि इस मल्टी स्पेशियलिटी हेल्थ कैंप आयोजन का प्रमुख उद्देश्य घुमारवीं व आसपास के लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध करवाना है ताकि यहां के लोगों को घर-द्वार ही स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी जांच एवं परामर्श उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि इस शिविर में लगभग एक हजार रोगियों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है, जिनमें गैस्ट्रो के लगभग 80, हृदय रोग के 65, हड्डी रोग 115, स्त्री रोग के लगभग 130, मनोचिकित्सा के 30, मेडिसिन के 150, नाक-कान-गला के लगभग 90, बाल रोग के 90, आंखों के 80, चर्म रोग के 115 तथा दंत रोग के लगभग 45 मरीजों की स्वास्थ्य जांच शामिल है। उन्होंने शिविर में अपनी बहुमूल्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सभी चिकित्सा विशेषज्ञों का आभार जताया। उन्होंने लोगों से भी इसमें बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। इस बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर में गैस्ट्रोलॉजी के डॉ. बृज लाल शर्मा, हृदय रोग (कार्डियोलॉजी) के डॉ. संजीव शर्मा, हड्डी रोग (ऑर्थोपेडिक्स) के डॉ. भारत भूषण, मनोरोग (साइकियाट्रिक) के डॉ. रवि शर्मा, त्वचा रोग (डर्मेटोलॉजी) के डॉ. सौरभ शर्मा, नेत्र रोग के डॉ. निशांत वर्धन, कान-नाक-गला (ईएनटी) के डॉ. मंजीत सिंह, मेडिसिन के डॉ. विवेक, बाल रोग (पीडियाट्रिक्स) विशेषज्ञ डॉ. अभिनव गौतम और स्त्री रोग (गायनेकोलॉजी) विशेषज्ञ डॉ. दीक्षित राणा ने मरीजों का उपचार किया तथा आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
खेतों में काम के दौरान रंगड़ों (जंगली मधुमक्खियों) के झुंड के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी सहित दो महिलाएं घायल हो गईं। यह हादसा शिमला जिला के रामपुर तहसील की जुली पंचायत में हुआ। जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब पांच बजे जुली गांव के निवासी, 48 वर्षीय कोक चंद पुत्र स्वर्गीय रघुदास अपनी पत्नी मीना देवी और गांव की ही संतू देवी के साथ खेतों में घास काटकर उसे पेड़ पर रख रहे थे। इसी दौरान पेड़ में बने रंगड़ों के छत्ते से अचानक बड़ी संख्या में रंगड़ निकलकर तीनों पर टूट पड़े। अचानक हुए हमले से तीनों किसी तरह जान बचाकर भागे, लेकिन रंगड़ों ने कई जगह काट लिया। परिजन घायलों को तुरंत उपचार के लिए एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल ले गए। अस्पताल में उपचार के दौरान कोक चंद की हालत गंभीर हो गई और देर रात उनकी मृत्यु हो गई। जबकि उनकी पत्नी मीना देवी और संतू देवी घायल हैं। पुलिस द्वारा शव का गहन निरीक्षण किया गया, जिसमें पाया गया कि मृतक के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं थे, लेकिन रंगड़ों के डंक के गहरे निशान, सूजन और शरीर पर नीले-लाल निशान पाए गए। चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट किया कि कोक चंद की मौत रंगड़ों के हमले के कारण हुई।
जिला पुलिस की स्पेशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक सफलता हासिल की है। टीम ने जिला मुख्यालय के एमसी पार्क में गश्त के दौरान 2 युवकों को 7.93 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हमीरपुर जिले के रहने वाले हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना अमित यादव ने बताया कि एसआईयू टीम के एएसआई कमल देव अपनी टीम के साथ मिनी सचिवालय के नजदीक एमसी पार्क में गश्त पर थे। इस दौरान पार्क में मौजूद 2 युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्हें पूछताछ और चैकिंग के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 07.93 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इस पर टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान अमन कुमार निवासी तरेटी, डाकघर फतेहपुर और साहिल राणा निवासी मण, डाकघर जलाड़ी व तहसील नादौन, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने दोहराया कि जिले में नशा माफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
चम्बा जिले के एक व्यक्ति की मलाणा में पांव फिसल कर गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार नायब तहसीलदार हेमराज ने सूचना दी कि मलाणा के पास एक व्यक्ति पांव फिसलने के कारण गिर गया है, जिससे उसकी मौत हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने 8 नेपाली मजदूरों और चम्बा के कुछ लोगों की मदद से शव को कुल्लू पहुंचाया। मृतक की पहचान भारत सिंह (48) पुत्र राम सेन निवासी भिंगा तहसील सलूणी जिला चम्बा के रूप में हुई है। ए.एस.पी. कुल्लू संजीव चौहान ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
वीरवार को कुनिहार के कुणी खड्ड में 18 वर्षीय युवक अमित कुमार की करंट लगने से मौत हो गई। प्राप्त सूचना के अनुसार सिविल अस्पताल कुनिहार से पुलिस थाना कुनिहार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति को मृत अस्पताल लाया गया हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची जहां पर मृतक अमित कुमार पुत्र सोहन चौहान निवासी न्यू शिमला रझाना, स्थाई पता आजमगढ़ उतर प्रदेश अस्पताल में मृत पाया गया। मृतक के शव का बारिकी से निरीक्षण इसके परिजनों की मौजूदगी में किया गया तथा परिजनों के हस्ताक्षरित बयान कलमबन्द किये गए। बता दें की वीरवार को अमित कुमार, उसका छोटा भाई, उसके ताया के लड़के मोहन लाल, सनी चौहान, रवि तथा इसका दोस्त इब्राहिम मछली पकड़ने कार न0 CH 01AG 4007 में शिमला से कुनिहार कुणी खड्ड के लिए गए थे। दिन में 1 बजे के करीब वह कुणी खड्ड पहुंचे उसके बाद सभी खेत में थोड़ी देर आराम करने के लिए बैठ गए लेकिन अमित कुमार अपने साथ बिजली की तार लेकर नीचे खड्ड में मछलियाँ देखने के लिए चला गया। सभी खेत में बैठकर अमित कुमार का इंतज़ार करने लगे जब वह बहुत देर तक नहीं लौटा तो सभी उसे देखने के लिए खड्ड में गये जहाँ अमित कुमार पानी में तैर रहा था तथा बिजली की तार साथ में बने पम्प हाउस के स्वीच में लगकर वहीं पानी के साथ साईड में पड़ी थी। अमित कुमार को तुरंत कुनिहार अस्पताल में ईलाज के लिए पहुँचाया गया, जहां पर डॉक्टर ने चैक करने के उपरान्त अमित को मृत घोषित कर दिया। डी.एस.पी. सोलन अशोक चौहान ने बताया कि पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कार्यवाही की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
भाजपा हो या कांग्रेस प्रदेश के सभी 68 विधायक प्रदेश को लूट रहे है इनकी लंका का दहन देव भूमि पार्टी 2027 में करेगी, यह बात राष्ट्रीय देव भूमि पार्टी प्रदेशाध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर ने कुनिहार के पुराने बस अड्डे पर मीडिया से कही। दशहरे वाले दिन रूमित सिंह ठाकुर की अगुवाई में प्रदेश के 68 विधायकों का पुतला दहन का कार्यक्रम राष्ट्रीय देव भूमि पार्टी द्वारा कुनिहार के पुराने बस अड्डे पर रखा गया था। सुबह से ही भारी संख्या में पुलिस बल कुनिहार के पुराने बस अड्डे पर तैनात था। सुबह साढ़े 11 बजे के करीब देव भूमि पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रूमित सिंह ठाकुर व कुछ अन्य लोग कुनिहार के पुराने बस अड्डे पर पुतला दहन को लेकर पहुंचे जैसे ही यह लोग पुतला जलाने का प्रयास करने लगे तो पुलिस व रूमित सिंह ठाकुर के बीच पुतले को लेकर खूब छीना झपटी हुईं और पुलिस ने पुतले को छीन कर देव भूमि पार्टी के प्रयास को विफल कर दिया। इसके बाद पार्टी सदस्यों ने भाजपा व कांग्रेस के 68 विधायकों के खिलाफ खूब नारे बाजी की। रूमित सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस व भाजपा के सभी विधायक प्रदेश को लूट रहे है। आज हमने इनकी लंका दहन का विगुल बजा दिया है। 2027 में इनकी पूर्ण लंका का दहन राष्ट्रीय देव भूमि पार्टी करेगी। उन्होंने कहा कि यह दोनों पार्टियां 5 साल सत्ता में रहकर प्रदेश की जनता को मूर्ख बनाती आ रही है, जो अब प्रदेश में सहन नहीं होगा।
राजधानी शिमला में सेब से महंगा मटर बिक रहा है। मटर के दाम 200 रुपए प्रति किलो पार हो गए हैं, जबकि गत वर्ष मटर अधिकतम 190 रुपए प्रति किलो बिका था। हालांकि इस बार अभी मटर की क्वालिटी भी उतनी अच्छी नहीं है। मटर के अधिक दाम होने का कारण पैदावार कम होना है। बुधवार को ढली मंडी में ठियोग क्षेत्र से मटर की खेप पहुंची थी। यह मटर थोक में 205 रुपए प्रति किलो बिका। इससे सब्जी उत्पादकों को लाभ हुआ है, जबकि सेब को अच्छे दाम नहीं मिल रहे हैं। सेब 500 से 1600 रुपए पेटी बिका है। इससे बागवानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। राज्य में इस बार भारी व लगातार बारिश ने जहां तबाही मचाई है, वहीं किसानों व बागवानों को भी नुकसान उठाना पड़ा है। भारी बारिश के कारण किसानों की सब्जी तबाह हो गई है। इससे मंडी में बहुत ही कम सब्जी पहुंच रही है। कई दिनों के बाद शुक्रवार को ढली मंडी में मटर पहुंचा। बहुत अच्छी क्वालिटी का न होने के बावजूद मटर 205 रुपए प्रति किलो की दर से बिका। इसके अलावा फ्रासबीन 50 से 60 रुपए प्रति किलो, शिमला मिर्च 55 से 60 रुपए प्रति किलो और बंद गोभी 25 से 26 रुपए प्रति किलो बिकी। ढली मंडी के आढ़ती नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि इस बार मटर 200 के पार चला गया है। जब मटर का सीजन रफ्तार पकड़ेगा तो इसके दाम 300 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश व बाढ़ के कारण सब्जियों को नुकसान हुआ है। इस वर्ष ढली मंडी में गत वर्ष की तुलना में 40 से 60 फीसदी कम सब्जियां पहुंची हैं।
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के नैनाटिक्कर ढंगयार सड़क पर दूल्हे के साथ बरात में जा रहे लोगों की कार दुर्घटनाग्रस्त हुई। ये हादसा किला कलाच के समीप वीरवार सुबह करीब 9:00 बजे के आसपास हुआ। इस कार में सवार पांच लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से तीनों घायलों को एमएमयू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोलन जिला के अर्की उपमंडल के घेणा भूमती गांव से शादी की बरात पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के ढंगयार जा रही थी। जब बरात नैनाटिक्कर ढंगयार सड़क के पास पहुंची तो तो किला कलाच के समीप कार नंबर एचपी 11ए 3859 अनियंत्रित होकर करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वीरेंद्र और लीला दत्त की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक केशव, जयदेव तथा कमलचंद घायल हैं। जयदेव तथा केशव की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। पच्छाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
कुल्लू जिले में देव महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव का आज भगवान रघुनाथ जी की भव्य रथ यात्रा के साथ आगाज होगा। यह उत्सव दो से आठ अक्टूबर तक मनाया जाएगा। इस भव्य देव-मानस मिलन के लिए जिले भर से देवी-देवताओं के पहुंचने का क्रम जारी हैं। देवी-देवताओं के इस दशहरा उत्सव महाकुंभ का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल शाम को लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में करेंगे। जबकि समापन अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि रहेंगे। दो से आठ अक्टूबर तक सात दिनों से कुल्लू में देवधुन से घाटी सरावोर होगी। सात अक्टूबर को लालड़ी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री भी भाग लेंगे। इस दौरान 7 अक्टूबर तक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रतिदिन प्रदेश के लोक गायक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इस बार बॉलीवुड और विदेशी कलाकार को आमंत्रित नहीं किया गया है। कुल्लू के ढालपुर में दशहरा उत्सव में भाग लेने के लिए देवी देवताओं के पहुंचने का क्रम दोपहर बाद से जारी हो जाएगा। बुधवार को 150 से अधिक देवी-देवता वाद्य यंत्रों की स्वर लहरियों के साथ कुल्लू के ढालपुर मैदान में पहुंचे। वीरवार सुबह देवी-देवता देव परंपरा का निर्वहन करने के लिए भगवान रघुनाथ जी से मिलने सुल्तानपुर स्थित रघुनाथ के मंदिर में जाकर शीश नवाएंगे। लगभग दो बजे के बाद भगवान रघुनाथ जी को ढोल-नगाड़ों की थाप पर मंदिर से कड़ी सुरक्षा के बीच ढालपुर स्थित रथ मैदान तक लाया जाएगा। इसके बाद रथ यात्रा में भाग लेने के लिए रथ मैदान में आते हैं। रथ मैदान से भगवान रघुनाथ जी को रथ में बिठाकर सैकड़ों लोग इसकी डोर को स्पर्श कर ढालपुर के अस्थाई मंदिर तक लाया जाएगा। यहां सजाए गए अस्थाई भव्य दरबार में भगवान रघुनाथ विराजमान होंगे। दो से आठ अक्टूबर तक सुबह-शाम यहीं पर भगवान रघुनाथ की उनके छड़ीबरदार महेश्वर सिंह विधिवत पूजा अर्चना करेंगे। हर दिन देव और मानव यहीं पर भगवान के आगे शीश नवाएंगे। कुल्लू में अभी तक 150 से अधिक देवी देवता पहुंच चुके हैं अभी आने का क्रम लगातार जारी है। दशहरा उत्सव में 365 साल के बाद आनी के तांदी से देवता कुईकांडा नाग पहुंचे हैं। इससे पहले यह देवता दशहरा उत्सव में पहली बार 1660 में कुल्लू दशहरा उत्सव में आए थे। इसके अलावा आनी से देवों के देव गढ़पति शमशरी महादेव, जोगेश्वर महादेव सहित खुडीजल देवता दशहरा उत्सव में भाग लेने को पहुंचे हैं।
बी.एल. पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक "स्वच्छता ही सेवा" पखवाड़ा मनाया जा रहा हैं I जिसमें छात्रों ने स्वच्छता शपथ लेने, व्यक्तिगत स्वच्छता दिवस मनाने, कूड़ा प्रबंधन पर जागरूकता फैलाने, और "स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत" का संदेश घर-घर पहुंचाने जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान एन.एस.एस., एन.सी.सी, स्काउट एंड गाइड, इको क्लब इकाईयों के छात्रों ने स्वच्छता की शपथ ली और स्कूल परिसर व आस-पास के क्षेत्रों में स्वच्छता रैली निकाली। छात्रों को नाखून काटना, हाथ धोना और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के महत्व के बारे में जानकारी दी। छात्रों ने रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया और कूड़ा इधर-उधर न फैलाने की अपील की। छात्रों ने स्कूल परिसर, और आस-पास के क्षेत्रों की सफाई की। छात्रों ने स्वच्छ भारत के महत्व को दर्शाते हुए पेंटिंग, पोस्टर, स्लोगन लेखन इत्यादि गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने सभी इकाईयों व अन्य छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छता के प्रति व्यवहार में बदलाव लाना और उन्हें स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। स्वच्छता पखवाड़ा की सभी गतिविधियां एन.एस.एस प्रभारी पूनम शर्मा व पुर्शोतम लाल, ए.एन.ओ., एन.सी.सी अमर देव, स्काउट एंड गाइड प्रभारी पिंकी कुमारी, इको क्लब प्रभारी दिनाक्षी ठाकुर की देख रेख में करवाई गई I इस अवसर पर विद्यालय उप-प्रधानाचार्य और मुख्यध्यापिका सुषमा शर्मा भी मौजूद रहे I
वरिष्ठ नागरिक मंच देहरा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध जन दिवस बुधवार को होटल अन्न पूर्णा में धूम धाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल जसवंत सिंह सिपहिया द्वारा की गई। कार्यक्रम में सेवा निवृत्त DIG जोगिंद्र सिंह चमियाल तथा मंच के संस्थापक रोशन लाल कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहें। मंच द्वारा 72 साल से अधिक आयु के 35 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर 90 साल से अधिक आयु के चंदू लाल सूद तथा किशोरी लाल सूद भी उपस्थित रहें। इस अवसर पर मंच के प्रधान जगदीश चन्द आजाद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपेश उप्पल तथा सचिव ओंकार सिंह सिपहिया द्वारा संस्था की गतिविधियों से सदस्यों को अवगत करवाया गया।
सर्वोदय ग्राम कल्याण समिति थिल्ल द्वारा थिल्ल में बड़ी धूम-धाम से दशहरा उत्सव का शुभारंभ किया गया जिसमें बतौर मुख्यातिथि ज्वालामुखी उपमंडल अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा मौजूद रहें। इस दौरान सोसाइटी के समस्त सदस्य और समाज सेवी ओंकार चंद निवासी धार चौकी और पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत थिल्ल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस उत्सव में स्थानीय कलाकारों द्वारा और छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुतियां दी गई। इसके साथ ही मुख्यातिथि द्वारा सांस्कृतिक झांकी की स्थानीय क्षेत्र के लिए रवानगी की गई।
कुल्लू दशहरा उत्सव की सदियों पुरानी देव परंपराओं का निर्वहन करने के लिए देवी हिडिंबा बुधवार को कुल्लू के लिए रवाना हो गई हैं। मान्यता है कि देवी के बिना दशहरा उत्सव का आगाज नहीं होता। देवी हिडिंबा का इस उत्सव में विशेष महत्व है।आज सुबह विधिवत पूजा अर्चना के बाद ढुंगरी हिडिंबा मंदिर से देवी की ऐतिहासिक शोभायात्रा शुरू हुई। सैकड़ों हारियान और कारकून रथयात्रा के साथ निकले। दशहरा देवी हिडिंबा के आगमन के बाद ही शुरू होता है। सात दिन तक चलने वाले उत्सव के दौरान देवी कुल्लू स्थित अस्थायी शिविर में रहेंगी। शाम को माता हिडिंबा रामशीला स्थित हनुमान मंदिर पहुंचेंगी। हनुमान मंदिर मे रात्रि ठहराव के बाद माता वीरवार सुबह रघुनाथ मंदिर को जाएगी। सदियों पुरानी देव परंपरा का निर्वहन करने के बाद दोपहर बाद भगवान रघुनाथ जी की रथयात्रा में भाग लेंगी। पहले दिन देवी हिडिंबा का रथ कुल्लू के अधिष्ठाता भगवान श्री रघुनाथ मंदिर और कुल्लू राजमहल पहुंचेगा। राज परिवार की ओर से यहां अश्व पूजा होगी। सात दिन तक अस्थायी शिविर में रहने के बाद अंतिम दिन लंका दहन के पश्चात ही देवी वापस आएंगी। हिडिंबा माता के गुर देवी चंद ने बताया कि माता आज रात कुल्लू पहुंचेंगी और सुबह देवी का स्वागत होगा। रामशिला में देवी हिडिंबा को निमंत्रण देने के लिए भगवान रघुनाथ की ओर से छड़ी आएगी। यहां से देवी भगवान रघुनाथ के मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगी। देवी हिडिंबा के अलावा ऊझी घाटी से दर्जनों देवी-देवता दशहरा में भाग लेने के लिए आज ही रवाना हुए।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 03 अक्तूबर, 2025 को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 03 अक्तूबर, 2025 को प्रातः 10.00 बजे से प्रातः 10.30 बजे तक तथा सांय 03.00 बजे से सांय 03.30 बजे तक सेंटर प्राईम मॉल (हवेली), शांडिल निवास, सेंट ल्यूक्स स्कूल, एस.आई.एल.बी., जौणाजी रोड, नडोह धाली, शक्ति नगर, क्षेत्रीय अस्पताल, शिल्ली रोड, मोहन कॉलोनी, शूलिनी माता मंदिर, दुर्गा क्लब, नरसिंह मंदिर, अस्पताल मार्ग, चौक बाज़ार, गंज बाज़ार, मधुबन कॉलोनी, कोटला नाला, ऑफिसर्स कॉलोनी, साहनी कॉपलेक्स, ठोडो मैदान, लक्कड़ बाज़ार, राजगढ़ रोड़, नगर निगम, डांग कॉपलेक्स, सर्कुलर रोड, रैनॉल्ट शो रूम, जवाहर पार्क, हरि मंदिर, धोबी घाट तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि 03 अक्तूबर, 2025 को ही प्रातः 10.00 बजे से सांय 03.30 बजे तक शर्मा बैंकट हॉल के समीप जौणाजी रोड़, शूलिनी नगर तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम तथा अपरिहार्य कारणों से उक्त समय व तिथि में परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
HRTC से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को 30 तारीख बीतने के बाद भी मासिक पेंशन नहीं मिली है। मासिक पेंशन न मिलने से पेंशनर खासे नाराज हैं। दूसरी तरफ निगम प्रबंधन अपने वित्तीय स्थिति का रोना रो रहा है। निगम के पास जो बजट था, उससे 65 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को मासिक पेंशन जारी कर दी। हालांकि ये पेंशन शिमला, मंडी सहित कुछ स्थानों पर ही मिली। कुछ को पेंशन मिली ही नहीं भले ही उनकी उम्र 65 वर्ष से अधिक क्यों न हो गई हो। निगम प्रबंधन के इस रवैये से पेंशनर खासे नाराज है। उन्होंने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान कर दिया है। 15 अक्तूबर को एचआरटीसी पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले निगम मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद पेंशनर सचिवालय जाएंगे व वहां पर भी प्रदर्शन करेंगे। एसोसिएशन के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि इसको लेकर निगम प्रबंधन को ज्ञापन भेज दिया है। इसके लिए उन्होंने चालक, परिचालक सहित अन्य यूनियनों का भी सहयोग मांगा है। पेंशनरों ने सरकार को चेतावनी दी कि उनकी मांगों को नहीं माना जाता तो वह आने वाले दिनों में अपने आंदोलन को तेज करेंगे। पेंशनरों का आरोप है कि उन्हें पिछले करीब एक साल से समय पर पेंशन नहीं मिल रही है। अगस्त महीने में भी पेंशनरों को 30 तारीख को मासिक पेंशन मिली थी। इस बार तीस को भी सभी पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल पाई है। पेंशनरों का कहना है कि पिछले दो सालों से चिकित्सा बिलों का भुगतान नहीं हुआ है और एरियर व डीए का भुगतान भी लंबित है। लंबित भत्ते तो दूर की बात अब निगम प्रबंधन द्वारा पेंशनरों को निर्धारित समय पर पेंशन की अदायगी नहीं की जा रही है। एचआरटीसी को हर महीने 23.50 करोड़ मासिक पेंशन के लिए चाहिए होते हैं। पेंशनरों की संख्या करीब 8500 हैं। राज्य सरकार हर महीने एचआरटीसी को ग्रांट इन एड जारी करती है। इस महीने 56 करोड़ का बजट सरकार ने निगम को दिया था। इसमें से 46 करोड़ वेतन पर खर्च हो गए हैं। निगम ने सरकार से 12.60 करोड़ की अतिरिक्त ग्रांट मांगी थी। लेकिन सरकार ने केवल एक करोड़ दिया। निगम ने यह बजट वापिस कर अतिरिक्त ग्रांट मांगी है ताकि पेंशनरों की मासिक पेंशन जारी की जा सकें।
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के सदर क्षेत्र में कटिंडी गांव में दिनदहाड़े 11 लाख रुपये की चोरी हुई। जिस समय चोरी हुई घर की महिला बुजुर्ग खेत गई थी और बहू शादी में गई थी। बताया जा रहा है कि निर्मला देवी अपनी बहू के साथ रहती है। इनका घर गांव से किनारे पर अकेला है और इनका बेटा बाहर नौकरी करता है। घर अकेला होने का फायदा चोरों ने उठाया। उन्होंने पहले मकान की रेकी कर रखी थी। निर्मला देवी की बहू सोमवार को शादी समारोह में गई थी और खुद बुजुर्ग महिला खेतों में। जब वह वापस आई तो उसने देखा कि घर के मुख्य गेट की ग्रिल का बड़ा ताला टूटा था। उन्होंने इसकी सूचना अपनी बहू पल्लवी को दी। जब बहू घर आई तो अंदर जाकर देखा तो तीन बेडरूम में रखी अलमारियों व लाॅकर को भी चोरों ने तोड़ डाला था। चोरों ने इनमें रखे दो मंगलसूत्र, तीन जोड़ी झुमके, तीन अंगूठियां, नौ नथ, एक टीक, एक क्लिप, दो जोड़ी कांटे, चांदी की ब्रेस्लेट, पायलें तीन जोड़ी तथा 22000 रुपये कैश गायब था। इसकी कुल लागत 11 लाख रुपये बनती है। बहू ने इसकी सूचना पुलिस को दी। कटिंडी में दिन दिहाड़े चोरी होने पर लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन आरंभ कर दी है। एसएचओ पद्धर सौरभ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
द लॉरेंस स्कूल सनावर में तीन दिन से चल रही बॉलीवुड फिल्म धुरंधर की शूटिंग सोमवार शाम खत्म हो गई। शूटिंग खत्म होते ही बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह स्कूल के खेतरपाल स्टेडियम में बच्चों के बीच पहुंचे। रणवीर सिंह ने छात्रों के साथ संवाद किया और बच्चों के साथ फिल्मी गाने पर झूमते भी नजर आए। सनावर में धुरंधर फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया। इस दौरान उनकी पत्नी अभिनेत्री यामी गौतम भी सनावर पहुंची थी। इस अवसर पर द लॉरेंस स्कूल सनावर के प्रधानाचार्य हिम्मत सिंह ढिल्लों ने कहा कि लॉरेंस स्कूल न केवल शैक्षिक उत्कृष्टता और छात्रों के समग्र विकास के लिए जाना जाता है बल्कि सनावर के पर्यावरण एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए भी प्रसिद्ध है। यही अनूठा वातावरण स्कूल परिसर को फिल्म उद्योग के लिए आकर्षक बनाता है। उन्होंने अभिनेता रणवीर सिंह को सम्मानित भी किया। स्कूल के पीआरओ आरएस चौहान ने कहा कि धुरंधर फिल्म की शूटिंग तीन दिन तक परिसर में चली। उन्होंने बताया कि लॉरेंस स्कूल सनावर लंबे समय से कई बॉलीवुड हस्तियों के लिए पसंदीदा संस्थान रहा है। पिछले कुछ सालों में सनावर फिल्म इंडस्ट्री के लिए विशेष रूप से उभरा है। साथ ही यहां पर मेघदूत, क्रैकडाउन, बंदिश बैंडिट, धुरंधर व अन्य कई फिल्मों व वेबसीरीज की शूटिंग हुई है।
प्राकृतिक आपदा की मार झेल चुके कुल्लू में दो दिन बाद सबसे बड़ा देव महाकुंभ दशहरा उत्सव शुरू होने वाला है। यह दशहरा उत्सव 2 अक्तूबर से 8 अक्तूबर तक धूमधाम से मनाया जाएगा। वहीं आपदा को भूलकर देव समाज भी महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस बार 300 से ज्यादा देवी-देवताओं को कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए न्योता दिया गया है। दो अक्तूबर से शुरू हो रहे उत्सव के लिए सोमवार को दूरदराज के इलाकों के देवी देवता अपने देवालयों से निकल चुके हैं। हालांकि, इस बार उत्सव में न तो बॉलीवुड गायकों की महफिल सजेगी और न ही विदेशी कलाकार अपनी संस्कृति की छटा बिखेरते नजर आएंगे। सात संध्याओं में हिमाचल के कलाकार ही रंग जमाएंगे। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू को भी न्योता दिया गया है। दशहरा उत्सव के लिए आउटर सिराज के देवता खुडीजल महाराज, कोट पझ़ारी, जोगेश्वर महोदव, कुईकंडा नाग और टकरासी नाग पूरे लाव लश्कर के साथ उत्सव में शिरकत करेंगे। खुडीजल इस बार रघुपुर घाटी के गांव फनौटी व जलोड़ी दर्रा होकर आए हैं। इससे पहले देवता वाया गाड़ागुशैणी होकर आते थे। वहीं, खनाग से अधिष्ठाता कोट पझ़ारी सैकड़ों साल बाद आ रहे देवता कुईकंडा नाग भी दशकों बाद कुल्लू आ रहे हैं। ये सभी देवता 150 से 200 किमी दूर से आ रहे हैं। सोमवार को आउटर सराज आनी के साथ बंजार और सैंज इलाके से करीब 20 देवी देवता कुल्लू दशहरा के लिए निकल पड़े हैं। सभी देवताओं की सुरक्षा का जिम्मा स्थानीय पुलिस थाना व चौकी का होगा। कारदार शेर सिंह ठाकुर, भागे राम राणा, अमर सिंह ने कहा कि सभी देवता कुल्लू दशहरा में भाग लेने के लिए अपने अपने देवालयों से निकल गए हैं। भगवान रघुनाथ के सम्मान में मनाए जाने वाले कुल्लू दशहरा में इस बार आउटर सिराज यानी आनी-निरमंड से 16 देवता भाग लेंगे। इनमें खुडीजल महाराज, शमशरी महादेव, व्यास ऋषि, कोट पझारी, जोगेश्वर महादेव, कुईकंडा नाग, टकरासी नाग, चोतरु नाग और बिशलू नाग शामिल है। वहीं, निरमंड से देवता चंभू उर्टू, देवता चंभू रंदल, देवता चंभू कशोली, देवता शरशाई नाग, कुई कंडा नाग घाटू, भुवनेश्वरी माता दुराह, सप्तऋषि थंथल भी कई वर्षों से भाग ले रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में बहुचर्चित अंशिका हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी प्रवेश कुमार की निशानदेही पर भिंडला गांव के पास घने जंगल से हत्या में इस्तेमाल चाकू और रस्सी बरामद कर लिए हैं। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि मामले में पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी प्रवेश ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि सबसे पहले उसने अंशिका का गला रस्सी से दबाकर हत्या की कोशिश की। आरोपी को लगा कि अंशिका की मौत हो गई है लेकिन थोड़ी देर बाद वह होश में आ गई। तब अंशिका ने बोला कि ये क्या कर रहे हो, तब आरोपी ने बोला- अब सब कुछ खत्म। फिर आरोपी ने पास रखे चाकू से अंशिका का गला काटने का प्रयास किया लेकिन वार पूरी तरह सफल नहीं हुआ। फिर उसने अपने साथ लाए दूसरे चाकू से गला काटकर वारदात को अंजाम दिया। फिर बाइक से पेट्रोल निकाल कर शव को आग के हवाले कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर लौटते समय भिंडला के पास घने जंगल में हथियार और रस्सी फेंक कर चला गया। पुलिस की जांच के दौरान इससे पहले घटनास्थल से अंशिका का क्षतिग्रस्त मोबाइल, टूटी हुई सिम बरामद हो चुकी है। एएसपी सुरिंद्र शर्मा ने कहा कि इस केस में हर संदर्भ से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पथ परिवहन निगम की बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है। जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के धाली डिब्बर से यह बस शिमला जा रही थी। मंगलवार सुबह 8 बजे के करीब बस का पट्टा टूटने के कारण यह दुर्घटनाग्रस्त हुई। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को पहाड़ी से टकराकर सड़क पर पलटा दिया। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। यदि बस खाई की तरफ असंतुलित हो जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। बस में आठ यात्री सवार थे। बस हादसे में चालक और परिचालक सहित महिला को चोटें आई हैं। अन्य लोगों को मामूली चोटें लगी हैं। घायलों को स्थानीय लोग अस्पताल ले गए हैं। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस व प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया। सड़क खुलवाने के लिए क्रेन मंगवाई गयी जिससे जल्द सड़क बहाल कर दी जाएगी।
जिला कुल्लू के उपायुक्त कार्यालय को 2 मई 2025 को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी। जाँच के दौरान, मैंगलोर और बैंगलोर से दो मोबाइल फोन ज़ब्त किए गए। इस अपराध में इस्तेमाल किया गया फोन कर्नाटक के मेडिकेरी से चुराया गया पाया गया। इसके अलावा, एक संदिग्ध, नितिन शर्मा निवासी बलजीत नगर, नई दिल्ली की पहचान हुई, जिसका तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और हैदराबाद में इसी तरह की धमकियाँ भेजने का आपराधिक रिकॉर्ड था। आरोपी नितिन शर्मा को मैसूर पुलिस ने अगस्त 2025 में गिरफ्तार किया था और अब उसे जाँच के लिए कुल्लू लाया गया है। आरोपी का पांच दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड हासिल किया गया है। एसपी कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन ने कहा कि आरोपी के अंतरराज्यीय संबंधों की भी जांच की जा रही है।
कुनिहार में नवरात्रों के उपलक्ष पर विद्युत विभाग 220 केवी पावर हाउस कुनिहार में विभागीय कर्मचारियों द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार ने पूजा अर्चना व हवन यज्ञ में भाग लिया तथा छोटी छोटी कंजकों का पूजन कर मां को भोग लगाया। उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना कर क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। हवन व कंजक पूजन के उपरांत भंडारा आरंभ किया गया जिसमें स्कूली बच्चों सहित स्थानीय लोगों ने भंडारे में बने व्यंजनों का आनन्द लिया। इस मौके पर सभी विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल मनाली में 34 दिन बाद वॉल्वो बसें टूरिस्ट लेकर पहुंची हैं। नॉर्दर्न कंपनी की एक बस सोमवार सुबह 10 बजे मनाली के वॉल्वो बस स्टैंड पहुंची। इसमें पंजाब, गुजरात, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ के लगभग 35 टूरिस्ट सवार थे। यह बस रविवार शाम 9 बजे अमृतसर से रवाना हुई और आज सुबह 10:30 बजे मनाली वॉल्वो बस स्टैंड पहुंची। इस बस के अलावा और भी 4-5 वॉल्वो बसें मनाली पहुंची हैं। इससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे पर रौनक लौट आई है। 25 अगस्त को ब्यास नदी में आई भारी बाढ़ के चलते कुल्लू से मनाली सड़क मार्ग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ था। ऐसे में एनएचएआई के द्वारा लगातार सड़क को ठीक करने की कवायद की जा रही थी। हालांकि अभी भी सड़क की मरम्मत का कार्य शेष बचा हुआ है। मनाली का टूरिज्म वॉल्वो बसों पर बहुत ज्यादा निर्भर रहता है। कुछ दिनों पहले ही चंडीगढ़-मनाली फोरलेन को बड़े वाहनों के लए बहाल किया गया। इसके बाद, राज्य सरकार ने भी अपनी बसें विभिन्न राज्यों को भेजनी शुरू की। अब जाकर बाहरी राज्यों की वॉल्वो बसों की आवाजाही मनाली के लिए शुरू हो गई है। विंटर टूरिज्म से पहले सड़कों की बहाली और टूरिस्ट का मनाली पहुंचना अच्छा संकेत है। पर्यटन कारोबारियों को आने वाले दिनों में इससे अच्छे पर्यटन कारोबार की आस है। हालांकि अभी मुश्किल से 20 फीसदी ऑक्यूपेंसी हो गई है। मनाली में वॉल्वो बसों के पहुंचने के लिए इस वीकेंड तक यह 30 से 35 फीसदी पहुंचने की उम्मीद है।
देश भर में दशहरा शुरू होने से पहले रामलीला का आयोजन किया जाता हैं। विजयदशमी यानि दशहरे के दिन पूरे देश में रामलीला समाप्त होती है। दशहरा उत्सव पर रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले जलाए जाते हैं। इसी के साथ दशहरे का भी समापन हो जाता है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में विजयदशमी से ही दशहरा उत्सव की शुरुआत होती है। हर साल मनाया जाने वाला कुल्लू दशहरा अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि से शुरू होकर एक हफ्ते तक चलता है। इस बार कुल्लू दशहरे का आगाज 2 अक्टूबर को और समापन 8 अक्टूबर को होगा। दशहरा उत्सव जिला कुल्लू के मुख्य देवता भगवान रघुनाथ जी को समर्पित है। यहां हर साल अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। कुल्लू में विजयदशमी के बाद दशहरा मनाने के पीछे एक तर्क यह भी है कि विजयदशमी के दिन श्री राम की सेना ने रावण की सेना पर विजय पाई थी और आश्विन मास की पूर्णिमा की रात्रि रावण ने अपने प्राण त्यागे थे। पहले यहां दशहरा उत्सव विजयदशमी से लेकर पूर्णिमा तक मनाया जाता था, लेकिन बाद में इसका स्वरूप बदल गया और अब इसे 7 दिनों तक मनाया जा रहा है। कुल्लू के रघुनाथ मंदिर के मुख्य छड़ीबरदार महेश्वर सिंह ने बताया कि दशहरा या विजयदशमी के दिन भगवान राम ने रावण को तीर मारा, लेकिन रावण की मृत्यु इस दिन नहीं हुई थी। रामायण के युद्ध के दौरान विजयदशमी के दिन भगवान राम ने रावण की नाभि पर तीर मारा था और रावण की सेना पर जीत हासिल की थी। तब से लेकर पूरे भारत में विजयदशमी का त्योहार मनाया जाता है, लेकिन रावण की मृत्यु विजयदशमी के पूर्णिमा के दिन हुई थी। हालांकि दशहरा उत्सव पहले विजयदशमी से लेकर पूर्णिमा तक मनाया जाता था, लेकिन बाद में सभी की सहमति से अब कुल्लू का विश्व प्रसिद्ध दशहरा 7 दिन तक मनाया जाता है। आचार्य विजय कुमार ने बताया कि रामायण के अनुसार लंकापति रावण महान शिव भक्त होने के साथ-साथ महाज्ञानी और पंडित था। रावण को शास्त्रों से लेकर वेदों और राजनीति से लेकर संगीत तक का ज्ञान था। युद्ध में हारने के बाद रावण जब मृत्यु शय्या पर था तो भगवान राम ने लक्ष्मण को शिक्षा लेने के लिए भेजा था। आचार्य विजय कुमार ने बताया कि बाण लगने के बाद पूर्णिमा तक लक्ष्मण ने रावण से शिक्षा ली थी।
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। घुमारवीं पुलिस ने सोमवार को बलोह टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार से 518 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।आरोपी 20 वर्षीय राहुल निवासी वार्ड नंबर-2, वीपीओ फतेहगढ़ चुरियां, जिला गुरदासपुर (पंजाब) और 20 वर्षीय अभी कुमार निवासी मकान नंबर 886, गली नंबर 3, चमरंग रोड, जिला अमृतसर (पंजाब) से चिट्टा बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से कल्लू की ओर जा रही एक टेंपरेरी नंबर कार जब टोल प्लाजा पर पहुंची तो पुलिस टीम ने उसे रोकने का इशारा किया। कार में बैठे दोनों व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए। शक के आधार पर तलाशी ली गई तो बैग के अंदर दो रंगीन लिफाफे मिले। खोलकर देखने पर उनमें से चिट्टा बरामद हुआ, जिसका वजन 518 ग्राम निकला। हिमाचल प्रदेश में यह अब तक की सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है। पुलिस आरोपितों से कड़ी पूछताछ कर पता लगाएगी कि यह नशा कहां से लेकर आए और कहां ले जा रहे थे। बताया जा रहा है तस्कर अमृतसर की तरफ से चिट्टे की खेप लेकर चंडीगढ़ पहुंचे थे और उसके बाद कुल्लू जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के कोटखाई में 10वीं की छात्रा ने हॉस्टल में सुसाइड कर लिया। जिसके बाद छात्रा को गंभीर हालात में कोटखाई अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मामला रविवार सुबह का है। निजी स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा ने अपने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कोटखाई के सरकारी अस्पताल में रखवाया। सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी अस्पताल शिमला भेजा गया हैं। पुलिस मामले में जांच कर रही है। हॉस्टल के सीसीटीवी की जांच की जा रही है। हॉस्टल और स्कूल में सबसे पूछताछ की जाएगी, मामले में आगामी कार्रवाई जारी है। 10वीं क्लास की ये छात्रा कोटखाई स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती थी। मृतका का भाई भी उसी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। 16 साल की ये छात्रा हरियाणा के पानीपत की रहने वाली थी। स्कूल प्रबंधन द्वारा परिजनों को छात्रा के सुसाइड की सूचना दी गई। जिसके बाद वो लोग शिमला पहुंचे। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और हॉस्टल प्रबंधन पर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि स्कूल में ही उनकी बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है, जिसके कारण वो डिप्रेशन में चली गई और उसने आत्महत्या कर ली। मृतका के मामा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6:30 बजे स्कूल से कॉल आई थी। स्कूल की ओर से बताया गया कि हमारी बेटी हॉस्टल की छत से कूद गई है। सूचना मिलते ही सारा परिवार यहां पहुंचा। हम मामले की जानकारी लेने के लिए स्कूल पहुंचे। स्कूल में प्रिंसिपल और वार्डन ने सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई। जिसमें बच्ची के गुमसुम होने पर सुसाइड करने का दावा किया गया। हालांकि वो वीडियो चौथी मंजिल का है, जबकि बच्ची की मौत पांचवीं मंजिल से गिरने से हुई है। इसलिए हमें पूरा शक है कि बच्ची के साथ कोई न कोई अनहोनी जरूर हुई है, जिसके कारण ये सब हुआ है। मृतका के मामा ने बताया कि सुसाइड से दो दिन पहले ही छात्रा को स्कूल में NCC कैंडिडेट का मेडल मिला था। जिसके चलते वो बहुत खुश थी। ऐसे में उसका एकदम से सुसाइड करना उन्हें हैरत में डाल रहा है।
सोलन विकास खंड के अंतर्गत आने वाली पंचायत पट्टा बरावरी के पेंशनर्स कार्यालय में पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन इकाई द्वारा पट्टा बरावरी हरिपुर की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता संघठन अध्यक्ष जगदीश गर्ग द्वारा की गई। जिसमें इस यूनिट के चीफ फाउंडर मेंबर व जिला मीडिया प्रभारी पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन डी. डी. कश्यप ने विशेष रूप से भाग लिया। अध्यक्ष जगदेव गर्ग ने 15 सितंबर को जिला संघर्ष समिति पेंशनर्स कल्याण संघ की विशाल जन सभा जो बनलगी में हुई थी उसके बारे में उपस्थित पेंशनरों को जानकारी दी, जिसमें जिला अध्यक्ष के. डी. शर्मा ने कहा था कि आगामी कार्यवाही सभी जिलों के अध्यक्षों से विचार विमर्श के बाद की जाएगी। जगदेव गर्ग ने कहा कि हमारा यूनिट जिला कार्यकारिणी पेंशनर कल्याण संघ के साथ कंधे से कंधा मिला कर कार्य कर रहा है तथा जैसा भी आगामी आदेश जिला संघर्ष समिति का होगा हमारा यूनिट पूर्ण रूप से जिला संघर्ष समिति के साथ खड़ा है। डी. डी. कश्यप जिला मीडिया प्रभारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि जिला पेंशनर एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ की जिला समिति ने जिला के पांचों उपमंडलाधिकारियों के कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन और रैलियां की और अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को उपमंडलाधिकारियों के माध्यम से ज्ञापन भी दिए। लेकिन सरकार ने हमारी उचित मांगों को दर किनार किया है। अब आगामी रणनीति का सभी जिलों के साथ विचार विमर्श के बाद निर्णय लिया जाएगा। इस बैठक में डी. डी. कश्यप, जगदेव गर्ग, खेमचंद ठाकुर, प्रेम चन्द कश्यप, बिशन दास कश्यप, कन्हैया राम, कृष्ण दास शर्मा, लेखराम कौंडल, रविन्द्र कुमार, भरत राम, दिलाराम आदि मौजूद रहे।
ज्वालामुखी उपमंडल के अंतर्गत आते उप तहसील मझीन में आज मझीन की 4 पंचायतों में सर्वसम्मति से कमेटी गठन का आयोजन किया गया जिसमें मेला प्रभारी देवराज चौधरी ठेकेदार, सह प्रभारी सेवानिवृत्त बीईईओ जतिन्द्र, संयोजक वाईन कांट्रैक्टर प्रवीण राणा, दंगल कमेटी अध्यक्ष प्रेम लता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जसवीर, उपाध्यक्ष शशी, सुमन, सचिव रामगोपाल, कोषाध्यक्ष रमेश, सह कोषाध्यक्ष विजेंद्र छुणकू, प्रताप गप्पी जी, प्रैस सचिव सुशील। एकता मंच मझीण व दंगल संस्थापक मनोहर लाल गान्धी ने यह जानकारी दी। ये दंगल 2 अक्टूबर को मझीन के भटाल में आयोजित किया जा रहा है। जिसमें अलग अलग जगह से बाहरी राज्यों से पहलवान अपना प्रदर्शन करते दिखेंगे ये एक तरह का खुला मंच है, जिसमें कोई भी अपनी प्रतिभा दिखा सकता है।
शनिवार को ग्राम पंचायत भलू में पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर ने शिरकत की। इस मौके पर लक्ष्य ठाकुर जिला परिषद सदस्य, प्रधान प्रभात सिंह, उप प्रधान कवि ठाकुर, वार्ड मेंबर संजीव शर्मा, वार्ड मेंबर ज्योति देवी, वार्ड मेंबर शवी कुमार, रिटायर प्रिंसिपल शंभू नाथ धीमान, सुबेदार देवराज, सुबेदार सुरजीत सिंह, पूर्व उप प्रधान राजिंद्र सिंह, बट पंचायत प्रधान निजू वाला, सुबेदार अशोक कुमार, राहुल काका, मोहित कुमार, अनुराग सिंह, रजनीश कुमार, प्रमोद सिंह, राधे श्याम, कैप्टन सिंह, चैन सिंह, लंबरदार रुमाल सिंह, नरेन्द्र बटयाल, और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले की खराहल घाटी में बनने वाले बिजली महादेव रोपवे का लगातार विरोध किया जा रहा है। अब इस मामले में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने भी संज्ञान लिया है। एनजीटी ने अपनी अगली सुनवाई में विभिन्न विभागों से भी जवाब मांगा है। बिजली महादेव रोपवे मामले में एनजीटी ने हिमाचल सरकार, केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड, केंद्रीय प्रदूषण बोर्ड, वन विभाग, राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और उपायुक्त कुल्लू को भी नोटिस जारी किया है। एनजीटी ने सभी को 25 नवंबर को होने वाली सुनवाई से पहले जवाब दाखिल करने को कहा गया है। एनजीटी ने स्थानीय निवासी नचिकेता शर्मा की ओर से दायर याचिका पर यह कार्रवाई की है। बिजली महादेव रोपवे प्रोजेक्ट के लिए अभी तक देवदार के 77 पेड़ काटे जा चुके हैं। याचिकाकर्ता नचिकेता शर्मा ने एनजीटी को हाल ही में मानसून में परियोजना स्थल पर हुए भूस्खलन के बारे में भी बताया है और परियोजना को जल्द रोकने की मांग की है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि परियोजना को आवश्यक अध्ययन किए बिना ही मंजूरी दी गई है। लगभग 2.4 किलोमीटर लंबे रोपवे का स्थानीय लोग तीन साल से विरोध कर रहे हैं और इसे रद्द करने की मांग कर रहे हैं। बिजली महादेव रोपवे विरोध समिति के सदस्यों ने ढालपुर में एडीएम से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन भी सौंपा। जिला कुल्लू के देवी-देवताओं ने भी अब धार्मिक स्थलों को पर्यटन स्थल बनाने से इनकार किया है। इन्हीं सभी मुद्दों को लेकर समिति ने एडीएम से चर्चा की है और मांग रखी है कि बिजली महादेव रोपवे विरोध समिति ने भी प्रशासन से मांग की है कि एनजीटी ने जब इस मामले में संज्ञान लिया है तो तब तक रोपवे का निर्माण कार्य बंद किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने कहना है कि इसके निर्माण से न केवल पर्यावरण को नुकसान होगा, बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचेगी। बिजली महादेव रोपवे विरोध समिति के अध्यक्ष सुरेश कुमार ने बताया कि रोपवे के विरोध में पहले भी कई धरने प्रदर्शन किए गए हैं। ऐसे में सरकार को भी चाहिए कि वह जनता की भावनाओं को समझें और रोपवे निर्माण कार्य को रद्द करें। अगर उसके बाद भी जनता के पक्ष में फैसला नहीं आता है तो जिला कुल्लू के लोग दिल्ली में जंतर मंतर में जाकर प्रदर्शन करेंगे।
मंडी जिले की 2 होनहार बेटियों ने हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए सिविल जज का पद हासिल किया है। दाेनाें बेटियाें ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। दोनों की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। जानकारी के अनुसार सुंदरनगर उपमंडल की बरोटी ग्राम पंचायत के सोहर गांव निवासी राकेश कुमार की बेटी मीनाक्षी ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण की है। मीनाक्षी की प्रारंभिक शिक्षा डैहर के एक निजी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई के लिए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, का रुख किया जहां से उन्होंने एलएलबी की डिग्री प्राप्त की। कानून के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता को और बढ़ाते हुए उन्होंने पटियाला स्थित प्रतिष्ठित नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी से एलएलएम की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह अपनी पीएचडी भी पूरी कर रही हैं। उनकी यह शैक्षिक यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं, जिले के पधर उपमंडल की सिमरन ने भी न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। सिमरन के पिता रविकांत मंडी जिला परिषद में डलाह (पधर) वार्ड से जिला परिषद सदस्य हैं। एक राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने के बावजूद सिमरन ने शिक्षा और न्याय के क्षेत्र में अपना करियर बनाने का फैसला किया और अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। सिमरन की इस सफलता पर उनके परिवार और पूरे पधर क्षेत्र में जश्न का माहौल है।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा शहर में 30 सितम्बर को राज्य विद्युत परिषद लिमिटेड ने रखरखाव कार्यों के चलते शहर के कई प्रमुख इलाकों में घंटों तक बिजली कटौती की घोषणा की है। विद्युत उपमंडल नंबर-1 कांगड़ा के सहायक अभियंता पुलकित दीक्षित ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 केवी कांगड़ा मंदिर फीडर के तहत आने वाली बिजली की लाइनों के रखरखाव का कार्य किया जाना है। इस दौरान बिजली की तारों के आसपास आ रही पेड़ों की टहनियों की कटाई और अन्य सामान्य मुरम्मत के कार्य किए जाएंगे, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की बाधा से बचा जा सके। यह शटडाऊन 30 सितम्बर को सुबह 10 बजे से लेकर कार्य समाप्ति तक जारी रहेगा। इस शटडाऊन के कारण कांगड़ा के कई महत्वपूर्ण और घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से बंद रहेगी। इसके चलते मिनी सचिवालय, गुप्त गंगा, पुष्प विहार, वाल्मीकि माेहल्ला, सब्जी मंडी, हाऊसिंग बोर्ड कालोनी, जज आवास, एसडीएम आवास, संगरिया सराय, गीता भवन, मिशन और आसपास के इलाके प्रभावित रहेंगे। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि 30 सितम्बर को मौसम खराब रहता है या बारिश होती है तो सुरक्षा कारणों से यह कार्य स्थगित कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में यह रखरखाव का कार्य अगले दिन यानी 1 अक्तूबर को निर्धारित समय पर किया जाएगा। सहायक अभियंता ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग की अपील की है।
सोलन के जोनाजी रोड़ पर शनिवार काे एक टिप्पर दूसरी गाड़ी को पास देते समय अपना संतुलन खो बैठा और अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 फुट गहरी खाई में जा गिरा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में चालक की जान बाल-बाल बच गई, उसे केवल मामूली चोटें ही आई हैं। जानकारी के अनुसार यह टिप्पर जोनाजी से गुजर रहा था। जब चालक ने सामने से आ रही एक अन्य गाड़ी को पास देने की कोशिश की तो टिप्पर अचानक अनियंत्रित हाे गया और सीधे खाई में लुढ़कता चला गया। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना देर किए खाई में उतरकर बचाव कार्य शुरू किया। चालक टिप्पर के कैबिन में फंसा हुआ था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला और उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हादसे के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के चीफ इंजीनियर विमल नेगी मौत मामले में CBI शनिवार को बिजली बोर्ड के चीफ इंजीनियर देसराज से पूछताछ करेगी। केंद्रीय जांच एजेंसी ने देसराज को शिमला के कैंप ऑफिस में बुलाया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों पर देसराज से पूछताछ की वीडियोग्राफी करनी होगी और अधिकतम तीन घंटे तक ही पूछताछ की जाएगी। दरअसल, विमल नेगी मौत मामले में आरोपी बनाए गए देसराज को शीर्ष अदालत ने अग्रिम जमानत दे रखी है। देसराज समेत HPPCL के पूर्व एमडी हरिकेष मीणा और डायरेक्टर पर्सनल पर भी विमल नेगी के परिजनों ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए है। परिजनों की शिकायत पर छोटा शिमला पुलिस थाना में इन तीनों अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शिमला पुलिस की जांच से असंतुष्ट परिजनों की मांग पर हिमाचल हाईकोर्ट ने यह केस को केंद्रीय एजेंसी सीबीआई को सौंपा। पहली बार सीबीआई बिजली बोर्ड के चीफ इंजीनियर एवं HPPCL के पूर्व डायरेक्टर देसराज से विमल नेगी मौत मामले में पूछताछ करेगी। सीबीआई इस मामले में HPPCL के कर्मचारियों से पूछताछ कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की पूछताछ में HPPCL के कर्मचारियों ने भी विमल नेगी को मानसिक तौर पर परेशान करने की बात मानी है। देसराज से ऑफिस के वर्क कल्चर, विमल नेगी को परेशान करने, पेखूवाला प्रोजेक्ट से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। विमल नेगी के परिजनों ने हरिकेष मीणा और देसराज पर गंभीर आरोप लगाए है, जिससे परेशान होकर विमल नेगी ने आत्महत्या की। देसराज के बाद IAS अधिकारी हरिकेष मीणा और पूर्व डायरेक्टर पर्सनल शिवम प्रताप को भी CBI पूछताछ के लिए बुला सकती है। वहीं, हरिकेष मीणा ने भी हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत ले रखी है। उनकी अग्रिम जमानत पर अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी। इसी मामले में सीबीआई ने मृतक विमल नेगी की जेब से पेन ड्राइव अपनी जेब में रखने के मामले में एएसआई पंकज को गिरफ्तार कर चुकी है। हाईकोर्ट ने पंकज को जेल भेज दिया है। इस मामले में पंकज की पहली गिरफ्तारी है।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव 2 अक्टूबर से मनाया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में कुल्लू जिले के सैकड़ों देवी-देवता भी भाग लेंगे। देवी-देवता के हरियानों द्वारा भी दशहरा उत्सव की तैयारी की जा रही है। ऐसे में एक देवता ऐसे भी हैं जो कि 200 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर ढालपुर मैदान पहुंचेंगे। जिला कुल्लू के उपमंडल आनी के नित्थर के आराध्य देवता कुईकंडा नाग 365 सालों बाद इस बार दशहरा उत्सव में शामिल होगें हैं। बीते दिन कुईकंडा नाग तांदी मंदिर में बैठक का आयोजन किया गया। मंदिर कमेटी के कारदार कमलेश रावत और गुर विनोद ठाकुर की अगुवाई में तांदी मंदिर के प्रांगण में बैठक हुई। झाड़े में गुर के माध्यम से देवता के आदेशानुसार इस बार यह फैसला लिया गया कि देवता दशहरा उत्सव में जाएंगे। देवता करीब 200 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। दरअसल नित्थर से कुल्लू बाई रोड ये दूरी 200 किलोमीटर हैं। जबकि देवता जंगलों और गांव से पैदल होते हुए कुल्लू दशहरा उत्सव में पहुंचेगे। कारदार कमलेश रावत ने बताया कि दशहरा पर्व राजा जगत सिंह ने 1660 में शुरू किया था। उसी समय से 365 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया जाने लगा और देवताओं की परंपरा का पालन किया जाने लगा। उस समय देवता साहिब कुईकंडा नाग तांदी ने दशहरा उत्सव में शिरकत की थी, लेकिन राजा द्वारा देवता को राजदरबार के प्रौढ़ (प्रवेशद्वार) के नीचे से गुजारने की कोशिश की गई। जबकि देवता किसी की भी चौखट पार नहीं करते हैं। जिसके बाद देवता गुस्सा हो गए और फिर कभी कुल्लू के दशहरा उत्सव में नहीं गए। 365 साल बाद अब देवता के आदेश पर मंदिर कमेटी ने दशहरा उत्सव में जाने का फैसला लिया हैं। देवता के कारदार कमलेश ने कहा कि सभी की सहमति से यह फैसला लिया गया कि 29 सितंबर को देवता साहिब कुल्लू के लिए रवाना होंगे। देवता की इस यात्रा में क्षेत्र के हर घर से एक सदस्य का आना भी जरूरी तय किया गया है। देवता इस साल कुल्लू दशहरा में सबसे दूर से पहुंचने वाले देवता भी होंगे। तांदी में आयोजित झाड़े के दौरान देवता ने इसको लेकर आदेश दिए हैं।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी (केसीसी) बैंक लिमिटेड में वन टाइम सेटलमेंट योजना में ऋण माफी मामले में शुक्रवार को दो अधिकारियों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) शिमला में पूछताछ की। करीब एक घंटे तक चली इस पूछताछ में अधिकारियों ने ईडी के समक्ष अपना पक्ष रखा। ईडी ने बैंक के अधिकारियों को 26 सितंबर तक रिकॉर्ड जमा कराने के लिए कहा था। शुक्रवार को यह रिकॉर्ड ईडी कार्यालय में जमा करवा दिया गया है। होटल के 45 करोड़ रुपये के कुल ऋण में से करीब 24 करोड़ माफ करने का यह मामला बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में भी गया था। ऐसे में ईडी उस समय के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के सदस्यों से भी पूछताछ कर सकती है। इससे पहले नाबार्ड और भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों का उल्लंघन करने के चलते बैंक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स को निलंबित कर दिया था। मामले में और परतें खुलने शुरू हुईं, तो पिछले कई वर्षों के और भी खुलासे हो सकते हैं। बैंक अफसरों ने जो रिकॉर्ड जमा करवाया है, ईडी उसका अध्ययन करने के बाद कार्रवाई करेगा। इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच की गाज कई लोगों पर गिर सकती है।
दशहरे की छुट्टियों को लेकर हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट 29 सितंबर से 5 अक्तूबर तक बंद रहेगा। इसे लेकर मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया ने आदेश जारी किए हैं। अवकाश के दौरान केवल अति आवश्यक मामलों की ही सुनवाई होगी। इसके लिए न्यायाधीश राकेश कैंथला को नामित किया गया है। वेकेशन जज 3 अक्तूबर तक केवल उन्हीं मामलों की सुनवाई करेंगे, जिनकी अत्यंत अनिवार्यता से वह संतुष्ट होंगे। कोई भी मामला दाखिल करते समय संबंधित पक्ष का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिवक्ता को एक पत्र प्रस्तुत करना होगा, जिसमें मामले की अत्यंत अनिवार्यता को उजागर किया गया हो। मामलों को एक अक्तूबर को दाखिल किया जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश के 801045 किसानों के खाते में 160.21 करोड़ रुपए आए हैं। केंद्र सरकार ने वर्षा और बाढ़ प्रभावित राज्य हिमाचल प्रदेश के किसानों के लिए पी.एम.-किसान योजना की 21वीं किस्त जारी की है। शुक्रवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पी.एम.-किसान) योजना की 21वीं किस्त जारी करने की घोषणा की। यह किस्त विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के उन किसानों के लिए प्राथमिकता के आधार पर है, जो हाल ही में आई बाढ़ और भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। हिमाचल के कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, सचिव कृषि सी. पाल रासू तथा अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल हुए। हिमाचल सहित पंजाब व उत्तराखंड ने हाल ही में भीषण बाढ़, भूस्खलन और फसल की व्यापक क्षति का सामना किया है, जिससे किसान परिवारों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा है। तीनों राज्यों के लगभग 2.7 लाख महिला किसानों सहित 27 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में कुल 540 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की गई है। इस सहायता का उद्देश्य हाल की आपदाओं से उबरने के लिए किसानों को समय पर राहत प्रदान करना है। वीडियो कॉन्फ्रैंस के दौरान एक लघु वृत्तचित्र भी दिखाया गया, जिसमें बाढ़ प्रभावित तीन राज्यों के किसानों की कठिनाइयों और इस मुश्किल घड़ी में सरकार द्वारा उनकी सहायता के लिए उठाए जा रहे कदमों को दर्शाया गया है।
डाडा सीबा के अंतर्गत गांव गुराला में मिडल स्कूल के नजदीक महादंगल 5 अक्टूबर 2025 रविवार को आगाज होगा। इस महादंगल में नामी पहलवान अखाड़े में अपनी कुश्तियों के जौहर दिखाएंगे। बाबा भरथरी मेला दंगल कमेटी गांव गुराला दंगल कमेटी के प्रधान बलविंदर सिंह ने बताया मेले का आयोजन 5 अक्टूबर 2025 रविवार को किया जा रहा है। उन्होंने बताया फाइनल माली के विजेता को 21000 रूपये इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। इस दंगल प्रतियोगिता में हिमाचल पंजाब और हरियाणा के पहलवानों के बीच जोर अजामाइश होगी। इस महा दंगल में महिला पहलवान भी हिस्सा ले सकती हैं, इस कुश्ती प्रतियोगिता का गांव व आस पास के लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस दंगल में कुश्ती प्रेमियों, स्थानीय निवासियों और पहलवानों से ज़्यादा से ज़्यादा हिस्सा लेने की अपील की गई है।
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के डीएवी भड़ोली स्कूल में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस कैंप का समापन शुक्रवार को धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर कक्षा 12 के विद्यार्थियों ने एनएसएस वॉलंटियर के रूप में सक्रिय भागीदारी निभाई। समापन दिवस की शुरुआत गायत्री मंत्र उच्चारण से हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन सात दिनों में जो मूल्य, अनुशासन और शिक्षा सीखी गई है, उन्हें जीवन की दिनचर्या में आत्मसात करना ही इस कैंप की असली सफलता है। उन्होंने स्वच्छता पखवाड़े के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता केवल आदत नहीं बल्कि जीवन का आधार है। जहां स्वच्छता होती है, वहीं लक्ष्मी का वास होता है यह संदेश देते हुए उन्होंने सभी को स्वच्छ और स्वस्थ समाज की दिशा में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।
दुष्कर्म के मामले में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में वीरवार को आरोपी एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान ने अंतरिम अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। इस पर राकेश कैंथला की अदालत ने राज्य सरकार को नोटिस जारी कर मामले में विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिए हैं। अदालत ने एफआईआर में पाया कि याचिकाकर्ता पर 10 अगस्त को पीड़िता के साथ दुष्कर्म का आरोप है। याचिकाकर्ता ने उससे शादी करने का वादा किया। आरोप है कि इसके बाद 20 अगस्त को उसने पीड़िता को एक विश्राम गृह में बुलाया, जहां उसने दोबारा दुष्कर्म किया। आरोप है कि याचिकाकर्ता ने घटना का वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। अदालत ने याचिकाकर्ता के द्वारा लगाए गए आरोपों को अविश्वसनीय मानने का कोई कारण नहीं पाया। पीठ ने सर्वोच्च न्यायालय की ओर से दिए गए निर्णय का हवाला दिया, जिसमें यह कहा गया था कि दुष्कर्म के मामलों में अग्रिम जमानत नहीं दी जानी चाहिए। इन तथ्यों को देखते हुए न्यायालय ने फिलहाल अंतरिम अग्रिम जमानत नहीं दी है।
24 सितम्बर को जहाँ शहनाई बजनी थी, वहाँ मातम छाया गया। शादी से ठीक एक दिन पहले अंशिका की हत्या कर दी गई, उसकी लाश को अधजली हालत में फेंक दिया गया और परिजनों की माने तो हत्यारा कोई और नहीं बल्कि वो ही प्रवेश और उसका चाचा संजीव है, जिसके साथ अंशिका को सात फेरे लेने थे। वीरवार को पुलिस प्रवेश को जम्मू से हिरासत में लेकर जोल पुलिस चौकी पहुंची। यहां पर आरोपी प्रवेश कुमार ने प्रारंभिक पूछताछ में अंशिका की हत्या कर शव को जलाने की बात को कबूल करते हुए कहा कि इस सारी घटना को उसके द्वारा ही अंजाम दिया गया है। आरोपी प्रवेश कुमार ने बताया कि वह अपनी मंगेतर अंशिका के साथ शादी नहीं करना चाहता था, जबकि वह उस पर बार-बार शादी करने का दबाव डाल रही थी। इसी के चलते उसने सुनियोजित ढंग से मंगलवार रात को अंशिका को मिलने के बहाने सुनसान जगह पर बुलाया और वहीं पर उसका कत्ल कर शव को झाड़ियों के बीच फैंककर आग लगा दी। प्रवेश द्वारा अपने चाचा की इस पूरे हत्या के प्रकरण के बारे में पूछने पर बताया कि चाचा संजीव कुमार उसे छोड़ने अपनी गाड़ी में जम्मू गया था। पुलिस द्वारा शुक्रवार को आरोपी दोनों चाचा व भतीजे का मेडिकल करवाकर कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। बंगाणा के थाना प्रभारी रोहित चौधरी ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि अंशिका की हत्या के बाद उसके शव को उसने ही जलाया है। बाकी छानबीन जारी है और इस पूरे प्रकरण में उसके साथ और कौन था? इसकी जांच अभी चल रही है।
वीरवार को खुंडियां स्थित नजदीकी सरकारी अस्पताल में श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्मजयंती के उपलक्ष्य पर मेरा युवा भारत कांगड़ा, खेल एवं युवा मंत्रालय भारत सरकार एवं भाजपा मंडल खुंडियां के सौजन्य से रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 56 यूनिट रक्तदान वीरों ने रक्त दान किया। कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन एवं विचारों पर रविंद्र सिंह रवि द्वारा प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर टांडा अस्पताल से डॉ विकास की समस्त टीम एवं प्रदेश पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि मंडल अध्यक्ष भाजपा संजय राणा BJYM देहरा, जिला महामंत्री अजय राणा, प्रदेश सोशल मीडिया सह प्रभारी अजय राणा, बूथ अध्यक्ष खुंडियां कश्मीर सिंह, ललिता चौहान प्रधान डोला, सुरजीत BDC उपाध्यक्ष, राजेश शर्मा, परवीन, अग्रवान, विशाल और अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
खण्ड डाडा सीबा में मिड डे मील योजना के अंतर्गत खण्ड स्तरीय कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन राजकीय प्राथमिक पाठशाला नंगल चौक में वीरवार को खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी डाडा सीबा पूनम कुमारी की अध्यक्षता में करवाया गया। इसमें खण्ड के 16 कलस्टर से कुकों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में बाबा कांशीराम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडा सीबा प्रथम, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंगल चौक द्वितीय एवं राजकीय प्राथमिक विद्यालय बठरा तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को ट्राॅफी देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतियोगियों को प्रोत्साहन हेतु मेडल भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर विशेष रूप से नंगल चौक से कांग्रेस नेता अश्वनी कुमार शर्मा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डाडा सीबा के प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार, खण्ड प्रारम्भिक शिक्षा अधिकारी चन्द्रलेखा, खण्ड प्रधान मनजीत सिंह, सीएचटी यशवन्त सिंह, सीएचटी राकेश कुमार, सीएचटी देस राज, बीईईओ कार्यालय से राम कृष्ण तथा सरस्वती चन्द्र आदि उपस्थित रहे।
बाबा भरथरी सांस्कृतिक मंच कमेटी के प्रधान रितेश शर्मा ने जानकारी दी कि 2 अक्टूबर 2025, गुरुवार को डाडा सीबा पुल के समीप मैदान में दशहरा पर्व पूरे उत्साह और परंपरागत श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। कार्यक्रम के अंतर्गत रावण, मेघनाथ और कुम्भकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं। प्रधान रितेश शर्मा ने कहा कि दशहरा पर्व केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश भी देता है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से आग्रह किया कि वे परिवार सहित इस उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग ले और सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखने में योगदान दें। कमेटी की ओर से सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं उन्होंने क्षेत्रवासियों को हार्दिक निमंत्रण देते हुए कहा कि सभी आदर सहित पधारकर इस भव्य पर्व का आनंद लें।
हिमाचल प्रदेश डॉ. भीमराव अंबेडकर मिशन अनुसूचित जाति कल्याण समिति ने वीरवार को नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया है। उप मंडल देहरा में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक दलीप सिंह ने की, जिसमें सर्वसम्मति से पूर्व चीफ इंजीनियर ई.एम.आर. दड़ोच को तीन वर्षों के लिए प्रदेशाध्यक्ष चुना गया। बैठक में समाज के विभिन्न वर्गों से आए सदस्यों ने एकजुट होकर संगठन को और मज़बूत बनाने का संकल्प लिया। नई टीम में गुरदास राम को मुख्य सलाहकार, प्रो. अमर सिंह को सलाहकार, शंकर सान्याल को वरिष्ठ महासचिव, भागी राम कृतनोरिया को महासचिव, पूर्ण चन्द को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, तिलोक संधू को उपाध्यक्ष और नरेश कुमार को कोषाध्यक्ष एवं कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का संदेश “शिक्षित बनो, संघर्ष करो” आज भी समाज सुधार की सबसे बड़ी प्रेरणा है। समिति का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग को सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए आने वाले वर्षों में शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक न्याय पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सदस्य मौजूद रहे, जिनमें परविंदर सिंह, देवराज, धर्मचन्द, लाजपतराय, रमेश कुमार, सतीश कुमार, जसवीर सिंह, प्रीतम चन्द, हरबांस लाल, किशोरी लाल, देशराज, वरिन्द्र कुमार, राजिन्द्र कुमार समेत अनेक गणमान्य शामिल थे। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही समिति ने प्रदेशभर में डॉ. अंबेडकर के आदर्शों पर चलने और वंचित वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प दोहराया।
राजकीय कन्या आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हमीरपुर में स्वच्छता पखवाड़ा के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करवाया गया। वीरवार को नगर पंचायत हमीरपुर और स्कूल की छात्राओं ने पोस्टर मेकिंग, सेल्फी प्वाइंट और रैली का आयोजन किया। स्कूली छात्राओं ने बैनर, पोस्टर के माध्यम से हमीरपुर बाजार में रैली निकाल कर आम जनता को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्कूल की प्रधानाचार्य पूनम चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 सितंबर 2025 से स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है। हर दिन स्कूली छात्राओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन हो रहा है पखवाड़े को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय में वाद-विवाद प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और नारा लेखन जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्राओं ने स्वच्छता से संबंधित आकर्षक नारे लिखे और पोस्टर बनाए है। इन्हीं पोस्टर के माध्यम से रैली में छात्राएं आम जनता को भी जागरूक करने में अपनी भूमिका निभा रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि स्कूली छात्राओं ने शिक्षकों के साथ मिल कर "स्वच्छ भारत अभियान" पर एक सेल्फी पॉइंट भी बनाया है, इसमें छात्राएं स्वच्छता संदेश के साथ फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर सांझा कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों तथा स्टाफ सदस्यों ने मिलकर स्कूल परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास किए। कचरे को अलग-अलग करके निपटाया गया, जबकि पानी की टंकियों की सफाई करवाई गई। ताकि स्वास्थ्य संबंधी कोई समस्या उत्पन्न ना हो। इन गतिविधियों में भाग लेने वाले सभी लोगों ने बड़ी गर्मजोशी दिखाई, जो स्वच्छता के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। इस अभियान से न केवल विद्यालय परिसर स्वच्छ हुआ, बल्कि छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण की भावना का प्रचार प्रसार भी हो रहा है। स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यालय की छात्राओं और अध्यापकों ने स्वच्छता की शपथ ली, जिसमें उन्होंने अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। छात्राओं से आह्वान किया गया कि अपने आस पास लोगों को स्वच्छता के बारे में अधिक से अधिक जागरूक करें। स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यालय में कार्यरत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), स्काउट एंड गाइड तथा इको क्लब की छात्राओं ने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस अभियान को सफल बनाया। उन्होंने स्वच्छता को नियमित आदत बनाने का प्रण लिया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। इस मौके पर एनएसएस प्रभारी सुनीता शर्मा, सह प्रभारी अमिता शर्मा, सुदर्शना शर्मा अंजू, अजय चौधरी, नरेंद्र पटियाल सहित समस्त स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा।
प्रदेश पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन की कार्यकारिणी के करीब 30,35 सदस्यों ने धनीराम तंनवर विशेष सलाहकार प्रदेश कार्यकारिणी व संयोजक एवं मुख्य सलाहकार पुलिस पेंशनर संगठन जिला सोलन की अध्यक्षता में पुलिस हैडक्वाटर शिमला में प्रदेश पुलिस महानिदेशक से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपना एक विशेष मांग पत्र पेश किया, जिसमें मांग रखी गई की जब भी पुलिस पेंशनर का निधन होने का समाचार स्थानीय थाना में प्राप्त हो तो साल 2022 के आदेश के अनुसार पुलिस विभाग की तरफ से उसके संस्कार में शामिल होकर अंतिम सम्मान के रूप में विभाग की तरफ से पुष्प चक्कर अर्पित किया जाए और एक चादर सम्मान के तौर पर चढ़ाई जाए। साथ ही उनके परिवार में जाकर संवेदना प्रकट करके उन्हें कुछ राशि भी राहत के तौर पर दी जानी चाहिए और प्रत्येक रैंक के पेंशनर के निधन होने पर गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया जाना चाहिए। यह आदेश पूरे प्रदेश के पुलिस अधीक्षकों के लिए जारी किया जाए और उपरोक्त जो भी निर्देश है उनका पुरी तरह से पालन करे, पालन न करने की सूरत में उनका जवाब तलब किया जाए और ऐसी घटना होने पर स्थानीय पुलिस द्वारा पहले की तरह उसी दिन एक स्पेशल रिपोर्ट पुलिस जिला मुख्यालय को भेजी जानी शुरू करें जिसमें मृतक का पूरा विवरण दिया हो जैसे की पहले भी इस प्रकार की रिपोर्ट जाती थी जिसमें मृतक का नाम पता और किस पद से रिटायर हुआ कब हुआ कहां से हुआ और अंतिम सम्मान किस प्रकार से प्रदान किया गया आदि शामिल होता था। धनीराम तनवर ने बताया कि पुलिस महानिदेशक ने आश्वासन दिया है कि इस पर जल्दी फैसला लिया जाएगा की अंतिम सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाए और फौजी तर्ज पर पीड़ित परिवार को कुछ राहत राशि देने की भी कोशिश की जाएगी व अंतिम सम्मान की रिपोर्ट भी पहले की तरह पुलिस जिला मुख्यालय में पूरे विवरण के साथ भेजी जाएगी।
गुप्त गंगा क्षेत्र में एक ढाबे में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 1:30 बजे संजू नामक व्यक्ति के ढाबे में आग की लपटें दिखाई दीं। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। आग की खबर मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी बीच, दमकल विभाग कांगड़ा को भी इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम बिना देरी किए महज पांच मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का मुख्य कारण ढाबे में रखे गैस सिलेंडर में लीकेज था। आग की इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, इस हादसे में ढाबे के मालिक संजू को लगभग 15,000 रुपये का नुकसान हुआ है। लेकिन दमकल टीम की तत्परता और त्वरित कार्रवाई से लगभग 5 लाख रुपये की संपत्ति जलने से बचा ली गई। इस घटना पर स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि ढाबे के मालिक और कर्मचारी समय रहते बाहर नहीं निकलते, तो यह एक बड़ा हादसा बन सकता था। वहीं, दमकल विभाग कांगड़ा के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी त्रासदी टल गई और लगभग 5 लाख रुपये की संपत्ति सुरक्षित रही। यह घटना एक बार फिर गैस सिलेंडर के सही रख-रखाव के महत्व को बताती है।


















































