द एस. वी. एन. स्कूल बडोर घाटी की आठवीं कक्षा की छात्रा काव्या सेन ने वर्ष 2024 में आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में तहसील स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। इस परीक्षा का पारितोषिक वितरण समारोह रविवार 26 अक्तूबर 2025 को प्राचीन शिव तांडव गुफा कुनिहार के प्रांगण में आयोजित किया गया। समारोह के दौरान अर्की विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय विधायक संजय अवस्थी ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। विद्यालय की प्रधानाचार्या समरीन खान ने काव्या को बधाई देते हुए कहा कि एस. वी. एन. स्कूल में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष विद्यालय के सभी विद्यार्थी इस परीक्षा में भाग लेते हैं और तहसील स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करना विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। प्रधानाचार्या ने विश्वास जताया कि विद्यार्थी भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में शनिवार से सात दिवसीय एन एस एस शिविर का शुभारंभ हुआ। इस शिविर का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्य हेमराज गौड ने दीप प्रज्वलन कर किया। एन एस एस शिविर के प्रभारी लीला शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सात दिवसीय एन एस एस शिविर में विद्यालय के 58 स्वयं सेवी भाग ले रहे हैं। यह शिविर 31 अक्तूबर तक रहेगा जिसमें स्वय सेवी विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेंगे। प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरी के साथ स्वयंसेवकों की दिनचर्या की शुरुआत होगी। उसके उपरांत योग क्रियाएं करने के बाद स्वयंसेवक दिन में विद्यालय परिसर के साथ सार्वजनिक स्थानों जैसे मंदिरों, बावड़ियों आदि के आसपास सफाई अभियान के दौरान साफ सफाई करेंगे तथा गोद लिए गांव पुलहाड़ा में भी स्वयंसेवक जाकर वहां साफ सफाई करेंगे तथा कुनिहार क्षेत्र में रैली के माध्यम से सफाई के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन विभिन्न विभागों से स्त्रोत व्यक्तियों द्वारा स्वयंसेवकों को आवश्यक जानकारियां प्रदान की जाएगी तथा संध्या कालीन स्तर में स्वयंसेवक सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। आज मुख्यातिथि ने सभी स्वयं सेवकों को शिविर के शुभारंभ की बधाई देते हुए सभी स्वयं सेवकों से शिविर के दौरान अनुशासन में रहते हुए अपने प्रभारियों के दिशा निर्देश अनुसार कार्य करने की अपील की।
बंगाणा, कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने शनिवार को उपमंडल बंगाणा के लोक निर्माण विभाग (लोकनिवि) मंडल बंगाणा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभाग के कार्यों में पूरी तरह से लापरवाही और सुस्ती हावी है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। दविंदर भुट्टो ने कहा कि जब भी कोई व्यक्ति बंगाणा के लोक निर्माण विभाग के कार्यालय में पहुंचता है, तो एक्सियन साहब क्वार्टर में मिलते हैं। जनता के जरूरी कार्यों की कोई सुनवाई नहीं होती। उन्होंने बताया कि पिछले दो महीनों से कुटलैहड़ क्षेत्र की एक दर्जन लिंक सड़कें पूरी तरह बंद पड़ी हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं मुख्य सड़कों पर आपदा के दौरान गिरे लहासे अब तक नहीं हटाए गए हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र में भयंकर प्राकृतिक आपदा आने के बावजूद लोक निर्माण विभाग का एक्सियन फील्ड में नजर नहीं आया। उन्होंने कहा कि न तो अधिकारी जनता से मिलने निकलते हैं, न ही किसी का फोन उठाते हैं। ऐसे में आम जनता को अपने कार्य करवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार झूठे वादों और घोषणाओं की सरकार बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि सरकार कहती है कि दीपावली से पहले ठेकेदारों के भुगतान किए जाएंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि दस लाख तो दूर, एक रुपया भी ठेकेदारों को नहीं मिला। दविंदर कुमार भुट्टो ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से ठेकेदारों में भारी रोष है और कई लोग आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। दविंदर भुट्टो ने कहा कि ठेकेदारों को आत्महत्या जैसी स्थिति तक पहुंचा दिया गया है, जबकि दूसरी ओर सरकार अपने चहेतों और राजनीतिक मित्रों को खुश करने में लगी है। पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग ने शीघ्र ही क्षेत्र की बंद सड़कों को नहीं खोला और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो भाजपा जनता के साथ मिलकर आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ की जनता अब सब समझ चुकी है, एक तरफ झूठे वादों की सुक्खू सरकार है, दूसरी तरफ जमीनी हकीकत झेल रही जनता। भुट्टो ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में विभागों में पारदर्शिता और जवाबदेही थी, लेकिन आज अफसरशाही का आलम यह है कि जनता के हितों की कोई परवाह नहीं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि बंगाणा लोक निर्माण मंडल के एक्सियन को तुरंत फील्ड निरीक्षण के लिए निर्देशित किया जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। दविंदर कुमार भुट्टो ने चेतावनी दी कि यदि आने वाले दस दिनों में सड़कों की बहाली का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो भाजपा जनता के साथ मिलकर धरना-प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेगी। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता अब सरकार से जवाब मांगेगी, कागज़ों में नहीं, जमीन पर विकास दिखाना होगा। इस मौके पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष बलराम बबलू राज्य पंचायती राज प्रकोष्ठ के सह संयोजक कृष्ण पाल शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, राज कुमार मनकोटिया, सुमित वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।
भारतीय जनता पार्टी सोलन ने आज कंडाघाट मंडल में युवा नेतृत्व को सशक्त करते हुए एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक निर्णय लिया है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने कार्तिक ठाकुर को भारतीय जनता युवा मोर्चा कंडाघाट मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह घोषणा तत्काल प्रभाव से लागू होती है। कार्तिक ठाकुर को यह जिम्मेदारी उनकी अभूतपूर्व लोकप्रियता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए सौंपी गई है। उनकी पहचान एक ऐसे युवा नेता के रूप में है जिनकी युवाओं में भारी पकड़ मानी जाती है। न केवल युवा, बल्कि वरिष्ठों और बुज़ुर्गों सहित हर वर्ग के लोगों के साथ उनके गहरे संबंध और बेहतरीन तालमेल है। कार्तिक ठाकुर की नियुक्ति से कंडाघाट मंडल में हर व्यक्ति और हर वर्ग के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है, जो उनकी समावेशी नेतृत्व शैली को दर्शाता है।
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग ने रोहड़ू में एक शराबी जेबीटी को सस्पेंड कर दिया है। प्राइमरी स्कूल खोड़सू के जेबीटी हित्तू मच्छान पिछले कुछ दिनों से रोजाना शराब पीकर स्कूल रहा था। स्कूल प्रबंधन समिति की शिकायत पर एसडीएम रोहडू विजय वर्धन ने शुक्रवार 24 अक्टूबर को स्कूल का निरीक्षण किया तो उस दौरान भी टीचर शराब के नशे में धुत पाया गया था। स्कूल में नशे में धुत पाए जाने पर हित्तू मच्छान को मेडिकल के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि के बाद एसडीएम रोहडू ने शिक्षा विभाग से हित्तू मच्छान को सस्पेंड करने की सिफारिश की थी। इसके बाद डिप्टी डायरेक्टर शिमला ने सेंटर सिविल सर्विस क्लासिफिकेशन, कंट्रोल एंड अपील रूल्स 1965 के तहत जेबीटी को सस्पेंड कर दिया है। सस्पेंशन के बाद उसे मुख्यालय ब्लॉक एलिमेंट्री ऑफिस कुपवी शिमला में फिक्स किया गया है। जेबीटी हित्तू मच्छान अब ब्लॉक एलीमेंट्री एजुकेशन ऑफिसर की अनुमति के बगैर स्टेशन नहीं छोड़ पाएगा। अभिभावकों का आरोप है कि, हित्तू मच्छान एक महीने से शराब पीकर स्कूल आ रहा था। नशे में धुत होने के कारण शिक्षक बच्चों को नहीं पढ़ा रहा था। टीचर की इस हरकत से तंग आकर एसएमसी प्रधान विनोद कुमार, सभी सदस्य, गांव की महिला मंडल, वार्ड मेंबर खेड़सू ने एक शिकायत पत्र शिक्षा विभाग और एसडीएम को देकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इस शिकायत के बाद एसडीएम रोहड़ू ने शिक्षा विभाग को एक पत्र लिखकर डिसीप्लिनरी एक्शन लेने की सिफारिश की थी। शिकायत में बताया गया था कि हित्तू मच्छान शराब का आदी हो गया है। इस वजह से स्कूल के कई बच्चे दूसरे स्कूल में शिफ्ट हो चुके हैं। अब शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई के बाद छात्रों ने राहत की सांस ली है।
हिमाचल प्रदेश पर बढ़ते कर्ज के पहाड़ के बीच प्रदेश की सुक्खू सरकार एक बार फिर 200 करोड़ रुपये का ऋण लेने जा रही है। ये ऋण 6 साल की अवधि के लिए लिया जा रहा है। इसकी अधिसूचना जारी हो चुकी है और राज्य सरकार के खाते में आगमी 29 अक्टूबर को ये राशि आ जाएगी। राज्य पर कुल कर्ज एक लाख करोड़ के पार हो चूका है। वेतन-पेंशन और खर्चों के लिए लगतार प्रदेश सरकार को ऋण लेना पड़ा रहा है। वहीँ चालु वित्त वर्ष में ही सरकार 5700 करोड़ का ऋण ले चुकी है, जब ऋण लेने की तय सीमा ही करीब सात हज़ार करोड़ है। ऐसे में आने वाले कुछ महीनो में सरकार की वित्तीय परेशानी बढ़ सकती है। आपको बता दें, कि सुक्खू सरकार ने इस साल 4 अप्रैल को 900 करोड़, 26 अप्रैल को 1300 करोड़, मई में 800 करोड़, जुलाई में 1000 करोड़, ऑगस्त में 1500 करोड़ का ऋण लिया है और सरकार अब अक्टूबर में 200 करोड़ का ऋण लेने जा रही है। राज्य सरकार केंद्र से ऋण लेने की सीमा बढ़ाने की मांग कर रही है।
पहाड़ों की रानी शिमला पर्यटकों से गुलजार हो गई है। सैलानी परिवार के साथ यहां पर घूमने आए हैं। शहर में दिल्ली, पंजाब और चंडीगढ़ के अलावा आसपास के राज्यों से पर्यटक शिमला पहुंचे हैं। एचपीटीडीसी के अनुसार वीकेंड पर 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी (होटलों में बुकिंग) दर्ज की गई। मैदानी क्षेत्रों के स्कूलों में छुट्टियां होने के बाद भारी संख्या में सैलानियों ने शिमला का रुख किया है। पर्यटन विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में यह संख्या बढ़ सकती है। इसके अलावा गुरुवार को कालका से शिमला और शिमला से कालका तक आने वाली सभी ट्रेनें पैक रहीं। दोनों ओर करीब 2200 यात्रियों ने सफर किया। पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने के बाद शिमला के होटल, रेस्तरां और दुकानदारों को भी काफी लाभ मिल रहा है। वहीं ताजा बर्फबारी के बाद प्रदेश के पर्यटन स्थल इस वीकेंड पर सैलानियों से गुलजार रहेंगे। रोहतांग, सिस्सू, अटल टनल, जलोड़ी दर्रा सहित कुल्लू और किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद वीकेंड से पहले ही पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ बढ़ गई है। शिमला, मनाली, धर्मशाला, कसौली, चायल, कुफरी और नारकंडा में सैलानियों की खूब चहल-पहल बढ़ गई है। धर्मशाला-मैक्लोडगंज में सड़कों की खस्ताहाल से पर्यटकों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र चंद ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी से टूरिस्ट डेस्टिनेशन पर भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है।
देश भर में 40 जगहों पर शुक्रवार को डाक विभाग की ओर से 17वें रोजगार मेले के अंतर्गत 51,000 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठानों में नवनियुक्ति युवाओं को संबोधित किया। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भी केंद्रीय आलू अनुसंधान संस्थान के सभागार में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। शिमला में कुल 93 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे गए। नवनियुक्त कर्मचारी डाक, गृह मंत्रालय, रेलवे, वित्तीय सेवाएं, केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर, उच्च शिक्षा विभाग, पर्यावरण वन और जलवायु मंत्रालय में अपनी सेवाएं देंगे। इस दाैरान सांसद सुरेश कश्यप भी माैजूद रहे। इससे पहले देश में इस प्रकार के 16 रोजगार मेलों का आयोजन किया जा चुका है। रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को पूरा करने की दिशा में एक पहल है। मंत्रालय के अनुसार रोजगार मेला युवाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी के लिए सार्थक अवसर प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। देशभर में रोजगार मेलों के माध्यम से अब तक 10 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं। 16वां रोजगार मेला देशभर के 47 स्थलों पर आयोजित किया गया था। ये नियुक्तियां केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में हो रही हैं।
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक 25 अक्तूबर यानि कल दोपहर 12:00 बजे राज्य सचिवालय में होगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में होने जा रही इस बैठक में कई अहम फैसले लिए जाएंगे। बैठक में आपदा राहत पैकेज, विभिन्न विभागों में चल रहे खाली पदों पर फैसला और मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं पर भी मंजूरी दी जा सकती है। इसके अलावा नगर निगम के रोस्टर में बदलाव को लेकर भी फैसला लिया जा सकता हैं। आपको बता दें, नगर निगम शिमला के मेयर और डिप्टी मेयर का ढाई साल का कार्यकाल 15 नवंबर को पूरा होने जा रहा है। पार्षदों का एक गुट मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और स्थानीय विधायक हरीश जनारथा से मिला और नए पार्षदों को मेयर और डिप्टी मेयर बनने का मौका देने की मांग की है। पार्षदों के गुट ने रोस्टर में कोई बदलाव न करने का आग्रह किया है जबकि पार्षदों के दूसरा गुट मौजूदा मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल बढ़ाने की मांग कर रहा है। वहीं, वर्तमान नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान मुख्यमंत्री के करीबी हैं। ऐसे में पार्षदों के एक गुट द्वारा रोस्टर बदलने को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। सूत्रों आगामी कल होने बाली कैबिनेट बैठक में ये प्रस्ताव लाया जा सकता है, जिसमें रोस्टर को बदलने पर चर्चा की जा सकती है और 5 साल तक वर्तमान मेयर और डिप्टी मेयर को ही कंटिन्यू किया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश में 5 नगर निगम है। सभी नगर निगम में ढाई-ढाई साल का कार्यकाल निर्धारित किया गया है। ऐसे में अगर सरकार शिमला नगर निगम के रोस्टर में संशोधन करती है तो सभी नगर निगम में बदलाव होगा। जिसके तहत सभी मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल 5 साल का किया जाएगा। अगला मेयर और डिप्टी मेयर कौन बनेगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। वर्तमान मेयर सुरेंद्र चौहान और डिप्टी मेयर उमा कौशल का दावा अभी भी मजबूत है। रोस्टर में संशोधन की स्थिति में ही दोनों अपने पदों पर बने रह सकते हैं। जबकि कांग्रेस के कई और पार्षद मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए दावेदारी करने की तैयारी कर रहे हैं।
विंटर सीजन के मौके पर एलायंस एयर करीब दो साल बाद कुल्लू और चंडीगढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू करने जा रहा है। इससे पर्यटकों के साथ कुल्लू के लोगों को भी कुल्लू से चंडीगढ़ के बीच आना-जाना सुविधाजनक होगा। 7 नवंबर से सैलानी चंडीगढ़ से कुल्लू के लिए उड़ान भर सकेंगे। कुल्लू से चंडीगढ़ के बीच नवंबर 2023 से हवाई सेवा बंद थी। अब इसके शुरू होने से पर्यटन को भी पंख लगेंगे। जानकारी के अनुसार 72 सीटर हवाई जहाज की उड़ानें सप्ताह में तीन दिन होंगी। इसमें मंगलवार, वीरवार और शनिवार शामिल हैं। उड़ान का समय भुंतर स्थित कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे से सुबह 9:55 बजे होगा और चंडीगढ़ सुबह 10:35 बजे उड़ान पहुंचेगी। इसका न्यूनतम किराया 5,822 रुपये है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों का 3,756 रुपये रहेगा। चंडीगढ़ के लिए उड़ान फिर से शुरू होने से पर्यटन कारोबारियों ने भी खुशी जाहिर की है। पर्यटन कारोबारी भी लगातार भुंतर से चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। हालांकि, अभी तक एलायंस एयर की भुंतर से दिल्ली, भुंतर से जयपुर, भुंतर से देहरादून व भुंतर से अमृतसर के लिए उड़ानें सप्ताह में दो से तीन दिनों में हो रही हैं। कुल्लू ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के प्रधान अतिशया वशिष्ठ ने कहा कि भुंतर से चंडीगढ़ के लिए नई हवाई सेवा शुरू होने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
कांगड़ा जिला से विधायक एवं पर्यटन विभाग चेयरमैन (कैबिनेट रैंक) रघुबीर सिंह बाली का नाम जैसे ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में प्रमुखता से उभरा है, वैसे ही पूरे प्रदेश में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई है। ज़िला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष शुभम नांगला ने कहा कि आर.एस. बाली के नेतृत्व में युवाओं को नई दिशा और ऊर्जा मिल रही है। उनका नम्र स्वभाव, सौम्यता और गुस्से से दूरी उन्हें एक कुशल और लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित कर रही है। नांगला ने कहा कि कांगड़ा जिला हिमाचल की राजनीति में हमेशा निर्णायक भूमिका निभाता रहा है। ऐसे में अगर पार्टी आलाकमान ने बाली को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी, तो इससे वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ताओं के बीच संतुलन कायम होगा, संगठन मजबूत होगा और आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिलेगी।
गुरुवार को काँगड़ा-कछियारी बाइपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार मारुति वैन सड़क किनारे बने पत्थर के डंगे (दीवार) से जा टकराई, जिसमें एक दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। इस भयानक टक्कर में उनके दो छोटे बच्चे बाल-बाल बच गए। यह दुर्घटना दोपहर के समय हुई, टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर चकनाचूर हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि वाहन चालक ने वैन से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। इस हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे दो बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया है और घटना का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना किस वजह से हुई। दो जिंदगियां छीनने वाले इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है।
हिमाचल प्रदेश में यह पहला अवसर है जब किसी भी विभाग के पेंशनरों को अपने वित्तीय लाभों और अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करना पड़ रहा है। प्रदेश पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन, जिला सोलन के संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर, दीप राम ठाकुर, प्रेम कंवर, ओम ठाकुर, नागेंद्र ठाकुर, रती राम शर्मा, ओम प्रकाश, श्याम लाल ठाकुर, सतपाल शर्मा, श्यामलाल भाटिया, जसवीर सिंह, संतराम चंदेल, पतराम, नेकीराम, पुष्पा सूद, बेद ठाकुर, धर्म सिंह ठाकुर, चमन लाल, दिलाराम, हरसिंह पाल, रणदीप राणा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संयुक्त बयान में सरकार के रवैये पर गहरा असंतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आज तक प्रदेश के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि पेंशनरों को अपने हक के लिए आवाज उठानी पड़े। कर्मचारी वर्ग अपनी मांगों को लेकर हड़तालें करता रहा है, लेकिन पेंशनरों को धरना देना पड़े यह सरकार के लिए गंभीर चिंतन का विषय है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पहले पेंशनरों को बिना किसी मांग के उनका डी.ए. और अन्य वित्तीय लाभ समय पर मिल जाते थे, मगर मौजूदा सरकार के कार्यकाल में स्थिति पूरी तरह बदल गई है। अफसोस की बात है कि अब शिक्षित और सम्मानित पेंशनर वर्ग को भी अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करनी पड़ रही है। पेंशनर नेताओं ने सरकार से मांग की है कि वह पेंशनरों के सभी वित्तीय लाभ एकमुश्त जारी करे और इस वर्ग का सम्मान बरकरार रखे। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने वेतन व भत्तों में बढ़ोतरी करने की बजाय उन लोगों की तरफ ध्यान देना चाहिए जिन्होंने अपने जीवन के 30 से 40 वर्ष प्रदेश की सेवा में समर्पित किए हैं। संघ ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए, तो पेंशनरों में असंतोष और रोष अधिक बढ़ सकता है, जिसके परिणाम आने वाले समय में सरकार को भुगतने पड़ सकते हैं।
हिमाचल प्रदेश में राजस्थान से आ रही भेड़-बकरियों की बिना रोकटोक आवक स्थानीय पशुपालकों के लिए गहरा संकट बन गई है। वहीं भरमौर-पांगी के विधायक डॉ. जनक राज ने कहा कि राज्य में बाहरी राज्यों से आ रहे पशु न केवल स्थानीय बाजार पर कब्जा कर रहे हैं, बल्कि हिमाचली भेड़पालकों की आजीविका को भी खत्म करने की स्थिति में पहुंचा रहे हैं। डॉ. जनक राज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में राजस्थान से बिना सत्यापन और बिना नीति के पशुओं की बिक्री हो रही है। बाहरी पशु कम कीमत पर बिक रहे हैं, जिससे हिमाचल के पारंपरिक भेड़पालन व्यवसाय की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय नस्लों के संरक्षण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और रोग-संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। विधायक ने कहा कि सरकार की चुप्पी इस पूरे तंत्र को और भयावह बना रही है। डॉ. जनक राज ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र नीति बनाकर ऐसे बाहरी पशु-आवक पर रोक नहीं लगाई, तो स्थानीय भेड़पालक सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं प्रदेश के भेड़पालक समुदाय के साथ खड़ा हूं और इस अधिकार-लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक लड़ूंगा।
कुल्लू जिले की सैंज घाटी के शरण गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पंचायत सुचैहण के करटाह और मातला गांव के युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसा मंगलवार देर रात को पेश आया। कार में सवार होकर दोनों युवक अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद दोनों गांवों में मातम पसर गया है। जानकारी के अनुसार तेजा सिंह 38, पुत्र दोत राम, निवासी गांव मातला, डाकघर रोपा, तहसील सैंज, जिला कुल्लू और राजकुमार 25, पुत्र झाबे राम, निवासी गांव करटाह, डाकघर रोपा, तहसील सैंज, जिला कुल्लू ठेकेदारी का काम पूरा करने के बाद शाम को मारुति कार से घर लौट रहे थे।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ के जोघों थाना क्षेत्र के तहत स्वारघाट के समीप राष्ट्रीय गोरक्षा दल ने यूपी नंबर के ट्रक को गो तस्करी करते पकड़ा। टीम ने तस्करों से 12 बैलों को छुड़वाया। इसमें 10 बैल मर चुके थे। जिंदा बचे दो बैलों को गोशाला पहुंचाया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक का संचालक गाजियाबाद का है जबकि चालक यूपी के सहारनपुर का रहने वाला है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। राष्ट्रीय गोरक्षा दल के ब्लॉक अध्यक्ष रोहित शर्मा स्वारघाट की ओर जा रहे थे। उन्होंने स्वारघाट से लगभग दो किमी पहले सड़क किनारे खड़ा यूपी नंबर का ट्रक देखा। यूपी नंबर होने के कारण शक होने पर उन्होंने ट्रक के पास जाकर देखा और पाया कि उसमें कोई नहीं था। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना राष्ट्रीय गोरक्षा दल के प्रधान डीडी राणा को दी। राणा दल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक का तिरपाल खोलकर देखा।अंदर 12 बैल थे। ट्रक के पिछले हिस्से में बैल और अगले हिस्से में आलू की बोरियां रखी हुई थीं, जिससे किसी को शक न हो। टीम ने ट्रक को खाली करवाया और मरे हुए बैलों का पोस्टमार्टम कराया। जिंदा बचे दो बैलों को गोशाला भेजा गया। डीडी राणा ने बताया कि उन्होंने मामले की सूचना जोघों पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
फैजाबाद में ड्यूटी के दौरान चक्कर आने के बाद मृत्यु को प्राप्त हुए पनियाला गांव के सुशील कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार को उनके पैतृक गांव पहुंच गया। बलिदानी सुशील कुमार का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे नक्ष राणा व मृतक के भाई तिलक कुमार ने सुशील को अंतिम विदाई दी। इस दौरान जैसे ही सुशील कुमार का पार्थिव देह उनके घर पहुंचा तो पत्नी, दादी तथा बेटे का रो रोकर बुरा हाल हो गया। बता दें कि हमीरपुर जिले के तहत ग्राम पंचायत देई का नौण के गांव पनियाला के सुशील कुमार का ड्यूटी के दौरान चक्कर आने से देहांत हो गया था। सुनील कुमार सेना में 13 रेजीमेंट में बतौर नायक अपनी सेवाएं दे रहे थे। सुशील कुमार फैजाबाद में ड्यूटी कर रहे थे कि सुबह चार बजे अचानक उन्हें चक्कर आया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें कमांडो अस्पताल ले गए। सोमवार शाम को करीब सात बजे उनका देहांत हो गया। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को दोपहर 12 बजे उनके पैतृक गांव पहुंचा। सुशील कुमार का पार्थिव शरीर बुधवार को लखनऊ से चंडीगढ़ विमान के माध्यम से तथा उसके आगे एंबुलेंस से पैतृक गांव तक पहुंचाया गया। सुशील कुमार के भाई तिलक ने बताया कि सुशील कुमार कुछ दिन पहले ही अपने घर पर आया था। सुशील कुमार की पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। अपने परिवार में सुशील कुमार ही एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उनका बेटा तथा बेटी अभी छोटे हैं। पत्नी पर मुसीबतों का पहाड़ टूट गया है। इस मौके पर विधायक सुजानपुर रंजीत कुमार, तहसीलदार व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सीआईडी कांगड़ा की संयुक्त टीम ने मैहतपुर बाजार में एक युवक को चिट्टे की खेप के साथ धर दबोचा है। आरोपी के कब्जे से 6.94 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। सब इंस्पैक्टर सुनील पटियाल के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सीआईडी की टीम ने मैहतपुर बाजार में नाकेबंदी की थी। इस दौरान शक के आधार पर एक युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 6.94 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक कुमार निवासी जलग्रां टब्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कांगड़ा जिला में पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। कांगड़ा पुलिस थाना के अंतर्गत लंज पुलिस चौकी की टीम ने एक इनोवा कार से 24 पेटियों में भरी 278 बोतलें देसी शराब की अवैध खेप बरामद की है। पुलिस ने कार चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है और कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21-22 अक्तूबर की रात को टीम सलाड़ी लिंक रोड़ पर ट्रैफिक चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक इनोवा कार (HP 97-0721) को जांच के लिए रोका गया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसकी डिक्की में अवैध रूप से रखी गईं शराब की 24 पेटियां मिलीं। इन पेटियों को खोलने पर कुल 278 बोतलें देसी शराब बरामद हुईं। पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान होशियार सिंह (58) पुत्र रोड़ा राम निवासी गांव बासा, डाकघर स्पेल, तहसील नगरोटा सूरियां व जिला कांगड़ा के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 39 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के सौदागरों पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की औचक निरीक्षण और नाकाबंदी आगे भी जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के हरोली उपमंडल के कर्मपुर गांव में सोमवार को तेंदुए ने छह लोगों को घायल कर दिया। एक व्यक्ति की आंख में गंभीर चोट लगी है, जबकि दो अन्य को मामूली चोटें आई। यह घटना जिले के पालकवाह क्षेत्र के कर्मपुर गांव के पास खेतों में हुई, जब तेंदुआ झाड़ियों से निकलकर अचानक लोगों पर टूट पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ खेतों के बीच झाड़ियों में छिपा हुआ था, जब राहगीरों ने उसकी आवाज सुनी तो वह घबराकर गांव की ओर भागने लगे। तभी तेंदुए ने छह ग्रामीणों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों के एक समूह ने डंडे लेकर तेंदुए का पीछा किया और उसे घायल कर दिया। बाद में तेंदुआ पास के जंगल में झाड़ियों में छिपा मिला, जहां वन विभाग के कर्मचारियों ने उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि तेंदुआ अकसर खेतों के आसपास घूमता देखा गया था। ग्रामवासियों ने वन विभाग से आग्रह किया कि तेंदुए को गांव से दूर किसी स्थान पर छोड़ा जाए। दीपावली के दिन लोग इतने भयभीत थे कि उन्होंने अपने मवेशियों को बाड़ों में बंद रखा और बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। भाजपा नेता राम कुमार भी अस्पताल में जाकर पीड़ितों से मिले। दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पीड़ितों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। वन विभाग के डीएफओ सुशील राणा ने बताया कि घायल तेंदुए को पुनर्वास केंद्र बौल ले जाया गया है।
कभी-कभी जिंदगी उम्मीद की आखिरी डोर थामे रखती है और फिर कोई डॉक्टर उस उम्मीद को हकीकत बना देता है। हिमाचल प्रदेश के सोलन क्षेत्रीय अस्पताल में ऐसा ही एक प्रेरणादायक चमत्कार हुआ है, जहां डॉ. पीयूष वोहरा ने चिकित्सा जगत में एक अद्भुत उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ की रहने वाली एक महिला, जो पिछले 9 सालों से मां बनने के लिए संघर्ष कर रही थी आज फिर से उम्मीद से भरी है। कई बार के असफल इलाजों और आईवीएफ की सलाह के बाद, जब सब रास्ते बंद लग रहे थे, तब सोलन अस्पताल की दहलीज़ पर उसे नई दिशा मिली। गायनी स्पेशलिस्ट डॉ. पीयूष वोहरा ने दो दिन पहले एक जटिल सर्जरी के दौरान महिला की बंद फेलोपिन ट्यूब को सफलतापूर्वक खोल दिया। अब महिला सामान्य रूप से गर्भधारण करने में सक्षम है। डॉ. वोहरा ने कहा, कि यह सोलन में इस तरह का पहला केस है। इस ऑपरेशन के बाद मरीज को अब नॉर्मल प्रेग्नेंसी का अवसर मिलेगा। रिकवरी के बाद उसे पूरी तरह काउंसिल किया जाएगा ताकि सब कुछ सुरक्षित और स्वस्थ रहे। महिला ने भावुक होकर कहा कि मैंने कई जगह इलाज कराया, लेकिन हर बार निराशा मिली। जब डॉक्टरों ने कहा कि अब सिर्फ आईवीएफ ही रास्ता है, तब उम्मीद लगभग खत्म हो गई थी। लेकिन सोलन में डॉक्टर पीयूष से इलाज करवाने के बाद अब मेरी ट्यूब खुल गई है। उन्होंने यह भी कहा कि यह मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। महिला के परिवार की आंखों में खुशी के आँसू हैं, और हो भी क्यों न? सालों की जद्दोजहद के बाद आज उनके जीवन में उम्मीद की रोशनी लौट आई है। यह उपलब्धि न केवल एक परिवार की खुशियों की कहानी है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि सरकारी अस्पतालों में भी उच्च स्तरीय इलाज और समर्पित विशेषज्ञ मौजूद हैं। डॉ. पीयूष वोहरा और सोलन अस्पताल की टीम ने यह दिखा दिया है कि जब सेवा भाव और विशेषज्ञता एक साथ आते हैं, तो असंभव भी संभव हो जाता है।
सोलन जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसयूआई) की टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए परवाणू थाना क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक कार से 10.50 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनेन्द्र (37) निवासी गांव शाही व तहसील कसौली के रूप में हुई है, जिसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार एसयूआई टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पिंजौर की ओर से एक कार में सवार होकर मनेन्द्र उर्फ मोंटू नामक व्यक्ति सोलन क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई देने के लिए आ रहा है। इस पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने परवाणू में जाल बिछाया और नाकाबंदी कर दी। इस दौरान जब संदिग्ध कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 10.50 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसकी कार को भी जब्त कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ परवाणू पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, ताकि इस तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। मामले की गहनता से जांच जारी है।
हिमाचल हाईकोर्ट ने जिला शिमला की पंचायत गौंखार, धार चांदना और बावट के बीच स्थित महासू देवता मंदिर में बूढ़ी दिवाली मनाने पर पांच साल पहले लगी रोक को हटा दिया है। समारोह को लेकर चल रहे विवाद को निपटाते हुए शुक्रवार को अदालत ने 20 अक्तूबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय बूढ़ी दिवाली उत्सव में शांति और सौहार्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। न्यायाधीश संदीप शर्मा की अदालत ने एसडीएम चौपाल की ओर से 5 नवंबर 2020 को लगाए गए प्रतिबंध के आदेश को हटाने का फैसला सुनाया है। तीन पंचायतों के बीच समारोह को लेकर चल रहे विवाद का कोर्ट ने निपटारा कर दिया है। हाईकोर्ट के आदेशों के बाद अब उपमंडलीय प्रशासन धार चांदना और बावट ग्राम पंचायतों के निवासियों को गांखार स्थित महासू देवता मंदिर के प्रांगण में दिवाली मनाने से नहीं रोकेगा। इसके साथ ही कोर्ट ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक शिमला को निर्देश दिए हैं कि वह 20 अक्तूबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय दिवाली उत्सव के दौरान गांखार गांव के महासू मंदिर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। कोर्ट ने बड़े जुलूस पर प्रतिबंध लगाया है। लोग किसी प्रकार के हथियार अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे। किसी भी अपमानजनक या अपशब्द का प्रयोग नहीं करेंगे। प्रत्येक परिवार की ओर से केवल एक मशाल (टॉर्च) लाई जाएगी, जिसे मंदिर परिसर प्रांगण के बाहर रखा जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर के उपमंडल घुमारवीं की बेटी शिवानी को भारतीय हैंडबॉल टीम की कप्तानी सौंपी गई है। शिवानी बहरीन में होने वाली एशियन यूथ गेम्स में भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगी। इस उपलब्धि से न केवल शिवानी के परिवार और गृह क्षेत्र में बल्कि पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है। शिवानी 19 से 23 अक्तूबर तक बहरीन में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित एशियन यूथ गेम्स में भाग लेने के लिए रवाना हो गई हैं। उनके शानदार प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। अब पूरा देश उनके नेतृत्व में टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा है। शिवानी को ये खेल विरासत में मिला है। उनके पिता सुशील कुमार हैंडबॉल के एक बेहतरीन खिलाड़ी रह चुके हैं, जिससे शिवानी को बचपन से ही खेल का माहौल मिला। शिवानी ने अपनी खेल प्रतिभा को बिलासपुर जिला के मोरसिंघी स्थित हैंडबॉल नर्सरी अकादमी में निखारा है। वहां कोच स्नेहलता ने उन्हें खेल की बारीकियां सिखाईं और एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी के रूप में तैयार किया। शिवानी के निरंतर बेहतर प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए ही उन्हें इंडिया टीम की कमान सौंपी गई है। इस शानदार उपलब्धि पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिवानी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाऊंट पर लिखा कि यह गौरवमयी उपलब्धि हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने शिवानी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वह देश का नाम रोशन करेंगी।
पूर्व विधायक होशियार सिंह के डीएफओ कार्यालय में दिए गए धरने को लेकर अब सियासत गरमा गई है। युवा कांग्रेस देहरा विधानसभा अध्यक्ष अभिषेक नरोत्रा ने कहा कि सरकारी दफ्तरों में इस तरह की गुंडागर्दी और अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। अभिषेक नरोत्रा ने कहा कि विधायक कमलेश ठाकुर द्वारा देहरा में किए जा रहे लगातार विकास कार्य पूर्व विधायक को रास नहीं आ रहे हैं। इसी वजह से वह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधायक कमलेश ठाकुर के खिलाफ तथ्यहीन बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस ऐसी राजनीति का पुरजोर विरोध करेगी। डीएफओ देहरा सन्नी वर्मा ने इस मामले में कहा कि नोटिस एक न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जिस पर संबंधित पक्ष को जवाब देना चाहिए था, न कि कार्यालय में बवाल खड़ा करना चाहिए था। अभिषेक नरोत्रा ने बताया कि युवा कांग्रेस जल्द ही पूर्व विधायक और उनके साथ आए भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएगी, ताकि देहरा की शांत फिज़ा में अराजकता न फैले। बताते चलें कि पूर्व विधायक होशियार सिंह ने बीते दिन देहरा स्थित डीएफओ कार्यालय के बाहर धरना दिया था। उनका आरोप था कि वन विभाग ने राजनीतिक दबाव में आकर उनके समर्थकों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने कहा था कि सरकार भाजपा समर्थकों के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। इसी के विरोध में उन्होंने धरना प्रदर्शन किया था।
भाजपा जुब्बल नावर कोटखाई किसान मोर्चा के अध्यक्ष, ग्राम पंचायत झगटान से पूर्व प्रधान व भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता दिलीप काल्टा सहित सूरत सिंह ठाकुर, कंवर सिंह ठाकुर व कल्पना ठाकुर ने भाजपा छोड़ पुन: कांग्रेस परिवार में वापसी कर ली है । शनिवार को जुब्बल तहसील के शराचली क्षेत्र की ग्राम पंचायत झगटान से भाजपा जुब्बल नावर कोटखाई के किसान मोर्चा के अध्यक्ष रहे और ग्राम पंचायत झगटान से पूर्व प्रधान व भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता दिलीप काल्टा सहित ग्राम पंचायत रावीं के भकान गांव से सूरत सिंह ठाकुर, पुलिस विभाग से सेवानिर्वित कंवर सिंह ठाकुर व कल्पना ठाकुर ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा छोड़ पुन: कांग्रेस पार्टी में घर वापसी की है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सभी को पार्टी का पटका पहनाकर घर वापसी पर कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल नावर कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा ने विश्वास दिलाते हुए कहा कि आपको पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता राय सिंह चौहान व ग्राम पंचायत रावीं के पूर्व उप प्रधान देस राज ठाकुर भी उपस्थित रहे।
पुलिस थाना कांगड़ा के अंतर्गत कछियारी में स्थित छिन्नमस्तिका ऑटो वर्ल्ड एजेंसी में शुक्रवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। इस अग्निकांड में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया, वहीं 3 दाेपहिया वाहन भी चपेट में आए हैं। जानकारी के अनुसार कछियारी निवासी राहुल रतन द्वारा संचालित इस ऑटो स्पेयर पार्ट्स की एजेंसी में सुबह करीब 6 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही कांगड़ा से फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई तब तक एजेंसी में रखा कीमती स्पेयर पार्ट्स का सामान, 2 स्कूटी और एक बाइक आग की भेंट चढ़ चुके थे। एजेंसी के मालिक राहुल रतन ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब 5 से 6 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
द एसवीएन स्कूल बडोरघाटी के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय अंडर -14 टूर्नामेंट की एकांकी नाटक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह प्रतियोगिता हाल ही में राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुनिहार में आयोजित की गई थी। इसमें जीतने के बाद अब विद्यालय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ है, जो नादौन में होगी। स्कूल प्रधानाचार्या समरीन खान ने बताया कि एसवीएन स्कूल में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ अन्य गतिविधियों द्वारा आगे बढ़ने का मौका भी प्रदान किया जाता है। इस प्रतियोगिता के लिए भी विद्यार्थी पिछले 15 दिनों से कड़ी मेहनत कर रहे थे। और यह उनके परिश्रम और प्रतिभा का ही परिणाम है। हमें आशा है कि हम राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भी उच्च प्रदर्शन करेंगे।
विदित रहे कि आशुतोष ने गत वर्ष NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर नेर चौक, मंडी में MBBS पाठ्यक्रम में प्रवेश प्राप्त किया है। आशुतोष राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल प्रागपुर के छात्र थे। रजनीश नायब भी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला प्रागपुर के छात्र रहे हैं। उनकी पुत्री मानसी भी इसी विद्यालय की छात्रा रही हैं और वर्तमान में चंडीगढ़ में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय है कि पिता, पुत्र और पुत्री तीनों ही इस विद्यालय के छात्र रहे हैं और आज अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। रजनीश नायब ने जो कि आशुतोष और मानसी के पिता है उन्होंने समस्त स्टाफ को मिठाई खिलाकर सभी अध्यापकों और प्रधानाचार्य का धन्यवाद किया। यह प्रागपुर स्कूल के लिए गौरवमय पल थे जिसमें पिता, पुत्र और पुत्री तीनों ही प्रागपुर स्कूल के छात्र रहे है और उच्च मुकाम पर आसीन है। साथ ही सभी अध्यापकों के सहयोग से मैराथन और सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में भी भिन्न भिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
गवर्नमेंट कॉलेज ढलियारा के B.Voc हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज़्म (द्वितीय वर्ष) के विद्यार्थियों ने वीरवार को आईटीसी मोक्ष होटल, सतौवारी धर्मशाला में एक औद्योगिक भ्रमण किया। इसका आयोजन एडुब्रिज लर्निंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल उद्योग के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और व्यावहारिक ज्ञान से अवगत कराना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ वोकेशनल ट्रेनर आशीष देव, लैब अटेंडेंट पूजा एवं अभिनंदन कुमार भी उपस्थित रहे। होटल पहुँचने पर विद्यार्थियों का स्वागत आईटीसी मोक्ष के एचआर मैनेजर संजीव कुमार एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज सर्विस, क्यूलिनरी (रसोई) विभाग तथा स्पा डिवीजन का निरीक्षण किया। होटल के विभागीय प्रबंधकों ने विद्यार्थियों को होटल उद्योग की नवीनतम कार्यशैली, सेवा मानकों एवं करियर संभावनाओं की जानकारी दी। यह औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ, जिससे उन्हें कक्षा शिक्षण और वास्तविक होटल संचालन के बीच संबंध समझने का अवसर मिला। B.Voc हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज़्म विभाग, गवर्नमेंट कॉलेज ढलियारा द्वारा समय-समय पर ऐसे औद्योगिक भ्रमण आयोजित किए जाते हैं ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो और वे रोजगारोन्मुख बन सकें।
वीरवार को राजकीय डिग्री कॉलेज डाडासीबा में प्राचार्य डॉ. जितेन्द्र कुमार के दिशा-निर्देशन में सत्र 2025-26 के लिए ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (OSA) का गठन किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष पद के लिए सचिन सहोत्रा, उपाध्यक्ष शिखा, सचिव आदित्य, संयुक्त सचिव ऋतिक संधू, कोषाध्यक्ष सिया का चयन किया गया। इस संगठन के गठन का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास हेतु ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के माध्यम से सहयोग प्रदान करना है। इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक दविंदर सिंह, डॉ. रामपाल, खेम चंद, पालक सिंह, लाइब्रेरियन सहायक अंजना कुमारी तथा कार्यालय अधीक्षक अम्बरीश भी उपस्थित रहे।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत सरकारी महाविद्यालय ढलियारा तथा सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढलियारा की NCC इकाइयों द्वारा बुधवार को नेहरनपुखर के समीप स्थित तालाब सफाई अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम 6 एच.पी. (आई) कंपनी NCC, ऊना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल रविंदर सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय और विद्यालय के लगभग 150 कैडेट्स तथा स्थानीय ग्रामवासी उत्साहपूर्वक शामिल हुए और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल जे. के. शर्मा (सेवानिवृत्त) उपस्थित रहे, जबकि बलराम शर्मा तथा डॉ. अंजू आर. चौहान, प्राचार्य, सरकारी महाविद्यालय ढलियारा, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. कपिल सूद द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों और कैडेट्स के हार्दिक स्वागत से हुआ। अपने संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल जे. के. शर्मा ने NCC कैडेट्स के उत्साह और समाज सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी, जो NCC के आदर्श वाक्य "एकता और अनुशासन" का प्रतीक हैं। कार्यक्रम के दौरान जनरल शर्मा ने स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कैडेट्स और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। अंत में ए.एन.ओ. मुकेश शर्मा ने सभी अतिथियों और कैडेट्स का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित किया गया। इस संयुक्त प्रयास ने युवाओं में सामूहिकता, नागरिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित किया।
ज्वाली में भाजपा की हालत निराली, एक फूल दो माली 2022 में अर्जुन ने सिर माथे लगाया था पार्टी का फैसला, पक्ष में जा सकता है ये फैक्टर नहीं चला था सीटिंग विधायक का टिकट काटने का दांव कांग्रेस में फिर नीरज पर रहेगी निगाह ज्वाली परंपरागत रूप से कांग्रेस के दबदबे वाली सीट रही है और यहाँ चौधरी चंद्र कुमार के परिवार का दबदबा रहा है। वर्तमान में खुद चौधरी चंद्र कुमार यहाँ से छठी बार विधायक है, जब उनके बेटे नीरज भारती दो बार विधायक रहे है। 2008 के परिसीमन के बाद ज्वाली निर्वाचन क्षेत्र अस्तित्व में आया। इससे पहले फतेहपुर और ज्वाली दोनों एक हुआ करते थे। फतेहपुर को ज्वाली से अलग किया गया और पहले का गुलेर विधानसभा क्षेत्र ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के नाम से जाना जाता है। वर्तमान में चौधरी चंद्र कुमार बेशक मंत्री है लेकिन उनकी उम्र 80 पार है। ऐसे में संभवतः अगला चुनाव उनके बेटे नीरज भारती लड़ेंगे। यानी कांग्रेस में फेस लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं दिखता। पर भाजपा में स्थिति इतनी सहज नहीं है। दरअसल 2017 के विधानसभा चुनाव में यहाँ भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की थी। तब भाजपा के अर्जुन ठाकुर ने कांग्रेस के दिग्गज नेता चंद्र कुमार को 8213 वोटों के बड़े अंतर से शिकस्त दी थी। पर इसके बावजूद 2022 में भाजपा ने उनका टिकट काटकर संजय गुलेरिया पर दांव खेला। पर गुलेरिया मौके को भुना नहीं पाएं। दिलचस्प बात ये है कि टिकट काटने के बावजूद तब सीटिंग विधायक अर्जुन ठाकुर ने मुखालफत नहीं की, जबकि 2022 के चुनाव में प्रदेश की करीब एक तिहाई सीटों पर भाजपा के बागी खड़े थे। जानकार मानते है कि भविष्य में ये फैक्टर अर्जुन के पक्ष में जा सकता है। संजय गुलेरिया की बात करें तो वे गज़ पार यानी नगरोटा सूरियाँ से ताल्लुक़ रखते हैं। इसमें भी कोई संशय नहीं है कि लम्बे समय से संजय गुलेरिया की ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। इसी के चलते 2022 में उन्हें चेहरा बनाया गया था, पर उन्हें जीत नहीं मिली। लेकिन क्या भाजपा उन्हें एक और मौका देगी, ये बड़ा सवाल है। दरअसल अर्जुन ठाकुर क्षेत्र में प्रो एक्टिव दिख रहे है। कहा जा सकता है कि वे अभी से इलेक्शन मोड में है। 2022 में पार्टी के निर्णय को सिर माथे से लगाने का सिला भी उन्हें मिल सकता है। यानी अर्जुन की दावेदारी मजबूत होगी। फिलवक्त दो -दो मजबूत दावेदारों के चलते ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की हालत एक फूल दो माली जैसी है। जबकि कांग्रेस के लगभग स्थिति स्पष्ट सी है। ज्वाली विधानसभा क्षेत्र का परिणाम तो ख़ैर भविष्य के गर्भ में छिपा हैं लेकिन भाजपा के लिए पहली परीक्षा कैंडिडेट का चुनाव होगा।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन के होनहार छात्र अक्षत ठाकुर ने अपनी असाधारण प्रतिभा और मेहनत के बल पर एस्पायर (ASPIRE) परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त कर “ब्रेन ऑफ हिमाचल” का खिताब अपने नाम किया है। इस शानदार उपलब्धि के लिए उन्हें प्रथम पुरस्कार के रूप में एक कार प्रदान की गई, जो उनके लिए ही नहीं बल्कि पूरे गुरुकुल परिवार के लिए भी गर्व का क्षण है। मूल रूप से सिराज मंडी के निवासी अक्षत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा पहली से दसवीं कक्षा तक गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोलन से प्राप्त की और वर्तमान में शिमला में रहकर उच्च शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। अक्षत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुकुल इंटरनेशनल के शिक्षकों को देते हुए कहा कि “मैं गुरुकुल के उन सभी शिक्षकों का हृदय से धन्यवाद करता हूँ, जिन्होंने मेरी नींव मजबूत की और मुझे सच्चे अर्थों में सीखने का महत्व समझाया, क्योंकि सफलता रटने से नहीं, समझने से मिलती है।” अक्षत के माता-पिता ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि गुरुकुल के शिक्षकों और वहाँ के अनुशासित माहौल ने अक्षत के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। विद्यालय की प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्या डॉ. लखविंदर कौर अरोड़ा और सभी शिक्षकगणों ने अक्षत और उनके माता-पिता को इस अद्वितीय सफलता पर हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जहां बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिलते है वहीं अपने देश की संस्कृति को भी जानने के अवसर मिलते है। रोहित ठाकुर आज कसौली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर स्थित पाईनग्रोव स्कूल द्वारा आयोजित वार्षिक समारोह के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हुए। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान में यह विद्यालय न केवल क्षेत्र का बल्कि देश का भी एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित कर रहा है। रोहित ठाकुर ने कहा कि शिक्षा बेहतर भविष्य का आधार है और प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन कर रही है ताकि छात्र हर स्तर पर लाभान्वित हो सकें। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षकों और विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों की एक्सपोजर विज़िट करवा रही है। इसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक परिवर्तन लाना है। कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि पाईनग्रोव स्कूल देश के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में से एक है और इसके विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे है पाईनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन ए.जे. सिंह ने शिक्षा मंत्री और अन्य व्यक्तियों का स्वागत किया और विद्यालय के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर स्कूली छात्रों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी विपणन एवं उपभोक्ता संघ लिमिटेड (हिमफेड) के निदेशक भीम सिंह जौहटा, उपमण्डलाधिकारी कसौली महेन्द्र प्रताप सिंह, पाईनग्रोव स्कूल के प्रशासन की निदेशक समीक्षा सिंह सहित अन्य व्यक्ति, पाईनग्रोव स्कूल के अध्यापक व छात्र उपस्थित थे।
सरकार के करीबी उच्च अधिकारीयों को लाखों के वेतन के साथ पुनः नियुक्ति और कर्मचारी जो रोज कमा कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहें है सरकार उन्हें बोझ समझ रही है। पूर्व उद्योग मंत्री एव विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने अब प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों के प्रति अपनी संवेदनहीनता की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। जिस सरकार ने ओपीएस का झूठा वादा कर सत्ता हथियाई, उसी सरकार ने अब अप्रैल 2024 के बाद सेवानिवृत्त हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारियों को पेंशन से वंचित कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल पथ परिवहन निगम पेंशनरों को अपने अधिकारों के लिए शिमला की सड़कों पर उतरना पड़ा, जो कांग्रेस सरकार की नाकामी और कर्मचारियों के प्रति निष्ठुर रवैये को उजागर करता है। लगभग 250 पेंशनरों को अब तक पेंशन नहीं मिली है, सितम्बर माह की पेंशन तक अटकी हुई है, जबकि 2016 के वेतनमान का एरियर, डीए और मेडिकल बिलों का भुगतान महीनों से लंबित है। यह वही सरकार है जो मंचों से “समृद्ध हिमाचल” की बात करती है और धरातल पर बुजुर्ग पेंशनरों को अपने अधिकारों के लिए सड़क पर धकेल देती है। उन्होंने कहा कि सरकार की कुदृष्टि अब महिलाओं को मिलने वाले बस किराए में 50% की छूट पर पड़ गई है। यह सरकार हमेशा ही पहले पूर्व सरकार की योजनाओं पर टिप्पणी करती है, उन योजनाओं से होने वाले सामाजिक मनोवैज्ञानिक लाभ को नजरअंदाज करके उसके आर्थिक पहलुओं को गलत तरीके से जनता के सामने रखती है। इसके बाद वह सुविधा छीन लेती है। सुक्खू सरकार हमेशा इसी पैंतरे बाजी से काम करती है। पहले सरकार ने फ्री बिजली की योजना पर ओछी टिप्पणी की, ग्रामीण क्षेत्रों में मिल रहे नि:शुल्क पानी, सहारा योजना की पेंशन, हिम केयर के इलाज पर मुख्यमंत्री ने अपनी दूरदृष्टिहीन टिप्पणियां कर पहले अपनी मंशा जाहिर की और बाद में उन्हें घोषित या घोषित रूप से बंद कर दिया। यहां भी सरकार कुछ ऐसा ही करना चाहती है इसीलिए बार-बार महिलाओं को मिल रहे 50% बस किराए में छूट की आलोचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड, हिमुड़ा और अन्य संस्थानों में पद खत्म करने के बाद अब हिमाचल पथ परिवहन निगम को खत्म करने की तैयारी हो रही है। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों को “बोझ” मान रही है, जबकि यही लोग प्रदेश की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर चुके हैं। मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि हिमाचल पथ परिवहन निगम के 50 वर्ष पूरे होने पर किए गए वादे और घोषणाएं आज तक अधूरी क्यों हैं? बिक्रम ठाकुर ने कहा कि इतना निर्दयी और कर्मचारियों का विरोधी मुख्यमंत्री हिमाचल को पहले कभी नहीं मिला। यह सरकार न विकास कर पाई है, न वादे निभा पाई है और अब कर्मचारियों के अधिकारों को निगलने में जुटी है।
दीवाली पर्व के दौरान किसी भी अग्निकांड से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने डाडासीबा क्षेत्र में विशेष प्रबंध किए हैं। फायर चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि विभाग ने पटाखों व अन्य ज्वलनशील पदार्थों से आगजनी की संभावनाओं को देखते हुए दो अग्निशमन वाहन और पूरी टीम को 24 घंटे मुस्तैद कर दिया है। उन्होंने कहा कि सभी उपकरणों और साजो-सामान की जांच पूरी कर ली गई है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। अजय कुमार ने बताया कि किसी भी आगजनी या दुर्घटना की सूचना तुरंत लोकल नंबर 01970-289011 पर दी जा सकती है, जिससे राहत दल मौके पर तुरंत पहुंच सके। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने स्तर पर भी एहतियात बरतें। घरों और दुकानों में पानी का स्टॉक रखें, सूखी रेत या अग्निशमन यंत्र पास में रखें, और पटाखे खुले व सुरक्षित स्थान पर ही जलाएं। उन्होंने विशेष रूप से पटाखा विक्रेताओं से आग्रह किया कि वे सिर्फ प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही बिक्री करें और अपनी दुकानों के पास पानी की बाल्टी या अग्निशमन यंत्र जरूर रखें। साथ ही नागरिकों को दीवाली पर ग्रीन पटाखों का उपयोग करने की सलाह दी, ताकि वातावरण प्रदूषण से बचा रहे। फायर चौकी प्रभारी ने कहा कि अग्निकांड की घटनाएं अक्सर लापरवाही के कारण होती हैं, इसलिए सभी नागरिकों को सजग और सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि फायर विभाग हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन लोगों का सहयोग सबसे अहम है।
मंडी-कुल्लू फोरलेन पर बुधवार सुबह एक युवती की निजी बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। निजी बस औट से कुल्लू की तरफ जा रही थी और जब साढ़े 10 बजे टकोली टोल प्लाजा के समीप रुकी तो बस में बैठी युवती भी बस से उतरने लगी। इसी दौरान वह बस की चपेट में आ गई। हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों की मदद से युवती को नागरिक अस्पताल नगवाईं ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, डाॅक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान संजना (23) पुत्री गोपाल गांव किग्स, डाकघर पनारसा व तहसील औट के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संजना प्रतिदिन टोल प्लाजा के समीप शॉल बुनाई का काम सीखने के लिए आती थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हादसा बस चालक की लापरवाही से हुआ है।
धर्मपुर नशा मुक्ति अभियान समिति और हिमाचल ज्ञान विज्ञान एवं साक्षरता समिति द्वारा बुधवार को राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में अंतरराष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस मनाया गया। जिसमें युवाओं में बढ़ते नशे को रोकने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय कमेटी के अध्यक्ष डॉ. आई एस वर्मा ने की और एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल मुख्य अतिथि तथा डॉ. वीना राठौर, भूपेंद्र सिंह, भीम सिंह और सुनीता बिष्ट ने बतौर स्रोत व्यक्ति भाग लिया। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के प्राचार्य, रिलायंस इंडस्ट्रीज के सलाहकार डॉ. अशवनी राठौर, सुरेंद्र सकलानी, कृष्ण देव गुलेरिया, रणताज़ राणा, सतीश कुमार, कंचना, सोमा, व्यासा, बिमला, रजनी सकलानी, कमला, राजेन्द्र पाल, कैप्टन राजेन्द्र, ऋत्विक कुमार सहित सैंकड़ों महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। सम्मेलन में स्रोत व्यक्तियों के संबोधन के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। नशा मुक्ति अभियान की राज्य स्रोत व्यक्ति डॉ. वीना राठौर ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को सिंथेटिक व अन्य नशे से दूर रखने में माताएं ही मुख्य भूमिका निभा सकती हैं। मंडी साक्षरता एवं ज्ञान विज्ञान समिति के संस्थापक सदस्य भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आज के समय की सबसे बड़ी समस्या व चुनौती बढ़ते नशे का प्रचलन है और कोई भी अभिभावक ये नहीं मान सकता है कि उसका बेटा और बेटी इसके जाल से बच सकता है। युवा पीढ़ी सिंथेटिक नशे की गिरफ़्त में बहुत तेजी से आ रही है। उन्होंने कहा कि धर्मपुर खण्ड के विभिन गांवों व क्षेत्रों में भी नशा बड़ी तेज़ी से फैल रहा है जिसे रोकना आज के समय की सबसे ज्यादा प्राथमिकता है। साक्षरता समिति के सचिव भीम सिंह ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए राज्य स्तरीय मंच गठित किया गया है जिसमें चालीस से ज़्यादा संगठन एकजुट हुए हैं। मढ़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत डॉ. सुशांत शर्मा ने कहा कि जो बच्चे नशे के आदि हो गए हैं उन्हें अपराधी समझने की प्रवृत्ति बदलनी होगी और इसे एक बीमारी के रूप में ही समझना होगा। संस्थापक सदस्य भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आने वाले छह महीनों में इस अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा। गांव-गांव में निगरानी कमेटियां गठित की जाएगी। बच्चों और युवाओं को खेलों में जोड़ने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के लिए सुभाष ने सीएम सुक्खू का आभार व्यक्त किया हैं। तहसील संधोल के भूर गांव के निवासी सुभाष चंद्र भी राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना के लाभार्थी हैं। उन्हें प्रदेश सरकार की तरफ से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए 50 प्रतिशत सब्सिडी मिली है। आजकल उनकी गाड़ी जल शक्ति विभाग पधर उपमंडल में लगी है। उन्होंने बताया कि उनकी हर माह 50 हजार रुपये की आय हो रही है। उन्होंने बेरोजगार युवाओं से भी अपील की है कि सरकार की ऐसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर वे भी स्वरोजगार की राह अपना सकते हैं। सुभाष ने इसके लिए प्रदेश सरकार और विशेष तौर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश पेंशनर्ज कल्याण संघ के संयुक्त फ्रंट के अध्यक्ष आत्माराम शर्मा के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला सोलन पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल जिला अध्यक्ष एवं राज्य कार्यकारिणी के मुख्य सलाहकार के. डी. शर्मा के नेतृत्व में उपायुक्त सोलन से मिला तथा उनके माध्यम से हिमाचल प्रदेश सरकार को पेंशनर्ज की विभिन्न लंबित मांगों के संदर्भ में एक ज्ञापन सौंपा। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी डी. डी. कश्यप ने मीडिया से साझा की। उन्होंने बताया कि जिला की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि जिसमें जिला महासचिव जगदीश पंवर, जिला वित्त सचिव मनसा राम पाठक, जिया लाल ठाकुर, पी. सी. वर्मा, कृष्ण सिंह चौहान, राम लाल शर्मा, नरेश शर्मा, हंस राज शर्मा, बी. एल. गाजटा, बेलीराम राठौर, हरिदत्त शर्मा, राजेंद्र शर्मा, प्रेम चन्द कश्यप, बिशन दास कश्यप, सहित लगभग 40 पेंशनर प्रतिनिधि मंडल में मौजूद रहें।
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां-परागपुर विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-परागपुर मंडल में आयोजित आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक नए आत्मविश्वासी युग में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा का आत्मनिर्भर भारत अभियान देश को 2047 तक विकसित भारत के रूप में स्थापित करने का ठोस खाका प्रस्तुत करता है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का अर्थ केवल आर्थिक स्वतंत्रता नहीं, बल्कि यह राष्ट्र के आत्मसम्मान, नवाचार, कौशल और स्थानीय संसाधनों के सर्वोत्तम उपयोग का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बीते वर्षों में मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और वोकल फॉर लोकल जैसी योजनाओं के माध्यम से हर वर्ग को सशक्त किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में स्थानीय उद्योग, बागवानी, हस्तशिल्प, डेयरी, और पर्यटन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के असीम अवसर हैं। भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाकर युवाओं, महिलाओं और किसानों को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करें, यही इस अभियान की असली भावना है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि “भाजपा विचारधारा नहीं, कर्मधारा की पार्टी है। हम संकल्प को नारे में नहीं, कार्य में बदलते हैं।” उन्होंने कांग्रेस सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि “जहां कांग्रेस केवल घोषणाओं और विज्ञापनों तक सीमित है, वहीं भाजपा धरातल पर राष्ट्र निर्माण का काम कर रही है।” इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सचिव वंदना योगी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान महिलाओं और युवाओं के लिए आत्मसम्मान और अवसरों की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को न केवल वित्तीय सहयोग मिला है, बल्कि निर्णय लेने की मुख्यधारा में भी उन्हें स्थान मिला है। वंदना योगी ने कहा कि हिमाचल की महिलाएं आत्मनिर्भर भारत की प्रेरक शक्ति हैं वे अपने परिश्रम और कौशल से समाज और अर्थव्यवस्था दोनों को नई दिशा दे रही हैं। कार्यक्रम में मंडल के पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, किसान मोर्चा तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में यह संकल्प लिया गया कि आत्मनिर्भर भारत अभियान को हर गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जाएगा, ताकि भारत को 2047 तक विश्व की अग्रणी शक्ति बनाया जा सके।
भारतीय जनता पार्टी, हिमाचल प्रदेश के वरिष्ठ प्रवक्ता, त्रिलोक कपूर ने आज एक प्रेस नोट जारी करते हुए स्पष्ट किया कि 2023 की विनाशकारी मानसून आपदाओं के बाद, केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हिमाचल प्रदेश को रिकॉर्ड सहायता राशि जारी की है, जिससे कांग्रेस की राज्य सरकार का 'केंद्र ने मदद नहीं की' का झूठा प्रचार पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। कपूर ने कहा यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब हिमाचल प्रदेश के लोग प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे थे, तो राज्य की कांग्रेस सरकार सस्ती राजनीति में लिप्त थी और केंद्र सरकार पर मदद न करने का निराधार आरोप लगा रही थी। आज यह स्पष्ट हो गया है कि केंद्र ने न केवल पर्याप्त सहायता भेजी, बल्कि पोस्ट डिजास्टर नीड्स असेसमेंट (PDNA) के वैज्ञानिक और पारदर्शी प्रक्रिया के आधार पर यह राशि जारी की गई है। कपूर ने पुष्टि की कि केंद्र सरकार ने PDNA के आधार पर हिमाचल प्रदेश को लगभग ₹3,190 करोड़ की भारी-भरकम सहायता प्रदान की है। इसमें से, नवंबर 2023 में ₹494.41 करोड़ की राशि विशेष रूप से जारी की गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार अपने वित्तीय कुप्रबंधन के कारण विकास कार्य ठप्प कर चुकी थी। सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचों के पुनर्निर्माण को गति देने वाला सारा पैसा सीधे केंद्र सरकार से 'PDNA 2023' फंड के नाम से आया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि बीड़ से बरोट के रास्ते में लगभग डेढ़ करोड़ और ग्वालटिक्कर से महेश गड के लिए लगभग ₹1 करोड़ सहित ऐसे कई टेंडर इसी केंद्रीय फंड से लगे हैं। उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार भारत सरकार के फंड से हो रहे विकास कार्यों का श्रेय लेने का निरर्थक प्रयास कर रही है। कपूर ने कांग्रेस सरकार पर पारदर्शिता को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने शुरू में ₹1 लाख से ऊपर के टेंडर ऑनलाइन करने का दावा किया था, लेकिन अब केंद्रीय सहायता आने के बाद, अचानक ₹5 लाख तक के टेंडर फिर से ऑफलाइन शुरू कर दिए गए हैं। यह कदम साफ दर्शाता है कि सरकार अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने की मंशा रखती है। भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा, कि केंद्र सरकार द्वारा आपदा राहत के लिए भेजा गया यह पैसा हिमाचल के लोगों का हक है। हम इस फंड में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसके वितरण तथा उपयोग की निगरानी और ऑडिट सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर दबाव बनाएंगे। PDNA का उद्देश्य त्वरित और पारदर्शी पुनर्निर्माण है, जिसे कांग्रेस सरकार अपनी नीतियों से बाधित न करे। कपूर ने अंत में कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर काम करती है और हिमाचल की जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वह राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर, ईमानदारी और पारदर्शिता से केंद्र से मिली इस विशाल सहायता राशि का उपयोग पुनर्निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने में करें।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (बॉयज) धर्मशाला में 11 अक्तूबर से 13 अक्तूबर तक जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन की जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में 35 टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता के अंडर-19 बॉयज में लौरिएट ग्लोबल स्कूल कथोग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के होनहार छात्र अभय धीमान का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक डॉ. रणसिंह, कैंपस डायरेक्टर डा. एम. आशाबत, प्रधानाचार्य अंकिता शर्मा ने सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (बाल) धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय अंडर–19 बालिका शतरंज प्रतियोगिता में ज्वालामुखी उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीहोरपाईं की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की एक प्रतिभाशाली छात्रा पलक नारोत्रा का चयन राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जो कि राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऊना में आयोजित की जा रही है। विद्यालय के प्रधानाचार्य बी. आर. कमल ने इस जीत के लिए पूरी टीम को व पलक नारोत्रा को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय और क्षेत्र दोनों के लिए गर्व का विषय है।
कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी शिमला पहुंच गए हैं। राहुल गांधी का काफिला शिमला के संजौली से एक बजकर 50 मिनट पर छराबड़ा के लिए रवाना हुआ। चंडीगढ़ से शिमला के अन्नाडेल तक राहुल गांधी हेलिकॉप्टर में आए। यहां से छराबड़ा के लिए सड़क मार्ग से गए। अन्नाडेल में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राहुल गांधी का स्वागत किया। जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा भी शिमला आ सकते हैं। बता दें कि सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा तीन दिन से छराबड़ा में हैं। आज राहुल गांधी भी मां और बहन के पास छराबड़ा पहुंच गए हैं। खबर है कि राहुल गांधी एक दो दिन छराबड़ा रुक सकते हैं। मंगलवार सुबह वह हरियाणा में थे, जिसके बाद वह शिमला पहुंचे। हालांकि, उनका कोई आधिकारिक कार्यक्रम फिलहाल तय नहीं है।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को थाना जोगिंदर नगर पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। इस बारे में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी जोगिंद्र नगर सकनी कपूर ने बताया कि पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया तथा उनके कब्जे से कुल 08.46 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में थाना जोगिंदर नगर में FIR NO. 175/25 दिनांक 14-10-2025, धारा 21 व 29 एन.डी.पी.एस. अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम विभोर शर्मा पुत्र स्वर्गीय शचिन्दा नंद निवासी गांव एवं डाकघर द्रुबल व नीतीश कुमार पुत्र सुरेन्द्र कुमार निवासी गांव गरोडू वार्ड नं. 3 डाकघर एवं तहसील जोगिंदर नगर जिला मंडी के निवासी है। थाना प्रभारी जोगिंद्र नगर सकनी कपूर ने कहा कि थाना जोगिंदर नगर पुलिस नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और इस दिशा में सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता से अपील करती है कि नशे से संबंधित किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।
नव चेतना समाज सेवा संगठन जिला सोलन की अति महत्वपूर्ण बैठक ग्राम पंचायत जाडली में आयोजित हुई, इस बैठक में सभी जिला सदस्य उपस्थित रहे, संगठन अध्यक्ष देशराज भाटिया व उपाध्यक्ष बलवंत सिंह ने बताया कि हम सभी को एकजुट होकर समाजिक बुराईयों को हराकर आगे बढ़ना है, अध्यक्ष ने कहा कि हमें डोर टू डोर जाकर भी यदि सबसे सम्पर्क करना पड़े तो हम इसके लिए भी तैयार है। इस बैठक में पंचायत जाडली से उपाध्यक्ष मुनिलाल ने कहा कि हमें अपने घरेलू विवादों से ऊपर उठकर सभी को एकजुट करना है। बैठक में नशे के खिलाफ एक मुहिम चलाने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर जगदीश चन्द, मनसा राम भाटिया, देशराज भाटिया, मुनिलाल, कमलचन्द, बलवंत सिंह, मानसिंह, जोगिंदर सिंह, व तुलसी राम सहित अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे।
हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच, अर्की इकाई के अध्यक्ष व मंच के जिला सोलन प्रभारी बलवीर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मंच की जिला स्तरीय बैठक 17 अक्तूबर शुक्रवार को पुराना विश्राम गृह, पी.डब्ल्यू.डी., सोलन में आयोजित की जाएगी। बैठक का आयोजन प्रातः 10 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर मंच के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहेंगे। बैठक में मंच के संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। मंच के प्रदेशाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर सहित प्रदेश कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। मंच की ओर से सभी सदस्यों से निवेदन किया गया है कि वे निर्धारित समय पर पहुंचकर बैठक को सफल बनाएं। उन्होंने मंच के सभी सदस्यों से इस बैठक में बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की है।
बाल स्कूल ज्वालामुखी के अक्षित मेहरा और सुजल का चयन अंडर 19 राज्यस्तरीय चैस टूर्नामेंट के लिए हो गया है। अब ये अंडर 19 छात्र वर्ग में राज्यस्तरीय चैस टूर्नामेंट में जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्कूल प्रधानाचार्या मीना कुमारी ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल धर्मशाला में आयोजित जिला स्तरीय चैस टूर्नामेंट में हमारे स्कूल की टीम ने भाग लिया था। वहां पर अक्षित मेहरा और सुजल का चयन राज्यस्तरीय चैस टूर्नामेंट के लिए हो गया है। अब वो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नगरोटा बगवां में कोचिंग कैंप में भाग लेंगे और उसके बाद वो अपनी टीम के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंदरनगर जिला मंडी में राज्यस्तरीय चैस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए रवाना हो जाएंगे। राज्यस्तरीय टूर्नामेंट 27 से 30 अक्टूबर को होगा। इस उपलब्धि पर उन्होंने अक्षित मेहरा और सुजल, उनके माता पिता और कोच को बधाई दी और राज्यस्तरीय चैस टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दी।


















































