पुलिस थाना रक्कड़ के अंतर्गत पड़ते क्षेत्र पीरसलूही में शनिवार को देर शाम एक युवक से 22.5 ग्राम चरस पकड़ने का मामला सामने आया है ।आरोपी की पहचान सुरेश कुमार सुपुत्र चुहडू राम निवासी पीरसलूही के रूप में हुई है। थाना प्रभारी रक्कड़ गुरदेव सिंह ने बताया कि पुलिस ने उक्त युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है वहीं पुलिस मामले की तफ़्तीश कर रही है।
मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले उन 16 जरूरतमंद बच्चों को गोद लिया है, जो किसी पारिवारिक कारणवश पढ़ाई में होने वाला खर्च उठाने में असमर्थ हैं,जैसे फीस, किताबें, कॉपी, पेन, पेंसिल,कलर्स,गाइड,कोचिंग, ड्रेस, जूते ,स्कूल बैग इत्यादि। इन सभी जरूरतमंद बच्चों के चेहरे पर खुशियां लाने के लिए मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था द्वारा खुशियों का सहारा योजना चलाई गई है, जिसमें इन बच्चों को पढ़ाई सम्बंधित मदद की जाएगी। संस्था के संचालक अनुराग गुप्ता, पुष्पा खंडूजा व नीरज बंसल ने कहा कि कोई भी व्यक्ति मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था का सदस्य बन कर इन बच्चों की मदद कर सकता है, जिससे कि वे शिक्षा प्राप्त करने में पारिवारिक परिस्थितियों के कारण बीच में ही अपनी शिक्षा को अधूरा न छोड़ें। मेरा गांव मेरा देश एक सहारा संस्था के द्वारा खुशियों का बैंक भी खोला गया है, जिसमें लोगों के द्वारा उनके घर में पड़ा गैर जरूरतन सामान जैसे कपड़े, खिलौने बर्तन , बिस्तर, कंप्यूटर, फर्नीचर इत्यादि जमा किया जाता है। यह सामान स्लम एरिया व प्रवासी मजदूरों की बस्तियों में जरूरतमंद लोगों तक संस्था के द्वारा पहुंचाया जाता है।
कांगड़ा वैली कार्निवल की दूसरी सांस्कृतिक संध्या की अध्यक्षता पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने की। इस अवसर पर बाली की पत्नी भूमिका बाली उनके साथ रहीं। कार्यक्रम में राज्य लोकायुक्त सीबी बारोवालिया और उसकी पत्नी कुमकुम बारोवालिया, मेयर ओंकार नैहरिया, पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू सहित अन्य गणमान्य तथा बड़ी संख्या में कांगड़ा जिलावासी उपस्थित रहे। उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने बाली और अन्य मेहमानों को सम्मानित किया। पर्यटन विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता इस दौरान आरएस बाली ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन अधोसंरचना में सुधार को लेकर का काम फोकस किया गया है। प्रदेश सरकार ने पर्यटन संबंधी परियोजनाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विजन के अनुरूप एक नई पर्यटन नीति तैयार करने पर गहन विचार किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के अनछुए स्थलों को प्रमुखता से उभारने की दिशा मे काम किया जाएगा, ताकि बड़ी संख्या में पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित किया जा सके। उन्होंने विश्वास जताया कि कांगड़ा वैली कार्निवल की पहल कांगड़ा में पर्यटन विकास में नया आयाम जोड़ेगी।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर, एसडीएम धर्मशाला धर्मेश सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिमाचल की दूसरी राजधानी धर्मशाला में नाबार्ड के जरिए सडक़ों के अच्छे दिन आ गए हैं। धर्मशाला से विधायक एवं दिग्गज कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा ने अपने इस कार्यकाल में राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) से आधा दर्जन सडक़ों एवं पुलों को करोड़ों रुपए मंजूर करवा लिए हैं। सुधीर शर्मा ने यहां जारी बयान में यह खुलासा किया है। बजट मिलने के बाद अब तेजी से इन सडक़ों का काम शुरू हो जाएगा। इन सडक़ों के बनने से धर्मशाला हलके में पर्यटन को नए पंख लगने जा रहे हैं। मंजूर बजट की बात करें, तो मकलोडगंज से भागसूनाग, टऊ, चोला बनगोटू सडक़ को 638 करोड़ का बजट मंजूर हुआ है। इसमें चरान खड्ड पर पुल भी प्रस्तावित है। इस सडक़ की लंबाई 2.27 किलोमीटर होगी। धर्मशाला की जनता लंबे समय से इसका इंतजार कर रही थी। नाबार्ड से दूसरा बड़ा प्रोजेक्ट हीरू दुशालन से गमरू चोला सडक़ का है। इसके लिए 551 लाख रुपए से ज्यादा का बजट मंजूर हुआ है। इस 2.60 किलोमीटर लंबे मार्ग का संवर्धन होगा। इसमें भी चरान खड्ड पर पुल बनेगा। तीसरा बड़ा बजट ग्राम पंचायत कंड करडियाणा का है। इसमें वार्ड चार व पांच के लिए 2.11 किलोमीटर सडक़ का निर्माण होगा। इस सडक़ के लिए 231 लाख रुपए मंजूर हुए हैं। सुधीर शर्मा ने बताया कि इससे हजारों लोगों को सुविधा मिलेगी। सुधीर शर्मा ने बताया कि पंचायत बाहल के लिए 3.4 किलोमीटर लंबी सडक़ बनेगी। इस लिंक रोड पर 953 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके लिए भी नाबार्ड से बजट मंजूर हो चुका है। उन्होंने कहा कि इन सडक़ों के लिए अधिकारियों को दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। इन पर तेजी से काम शरू हो जाएगा। नड्डी से धर्मकोट का सफर होगा सुहाना सुधीर शर्मा ने बताया कि विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल नड्डी और धर्मकोट के लिए बेहतर सडक़ उनका सपना रहा है। इन दोनों क्षेत्रों में दुनिया भर से सैलानी आते हैं। धर्मकोट से नड्डी के लिए बनने वाली सडक़ के लिए नाबार्ड से 360 लाख से ज्यादा की रकम मंजूर हुई है। इस सडक़ की लंबाई 2.46 किलोमीटर होगी। इस सडक़ को उच्च मानदंडों पर बनाया जाएगा। टूरिज्म से खुलेंगे रोजगार के द्वार सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला में कई पर्यटक स्थलों के लिए सडक़ की दिक्कत रही है। अब इन मार्गों के बनने से दुनिया भर के सैलानी देश-विदेश में धर्मशाला को लेकर अच्छा संदेश लेकर जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे प्रदेश का समग्र विकास कर रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग की पहली ई-फाईल को स्वीकृति प्रदान की। यह ई-ऑफिस एप्लीकेशन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र द्वारा विकसित की गई है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के लोगों की सुविधा के लिए सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों तथा उपायुक्तों को ई-आफिस प्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के बजट में हिमाचल प्रदेश सचिवालय, सभी निदेशालयों तथा फील्ड कार्यालयों में 1 जुलाई तक ई-ऑफिस एप्लीकेशन आरम्भ करने का प्रावधान किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी विभागों की कार्य प्रणाली में पारदर्शिता लाने तथा इसे प्रभावशाली बनाने के लिए सरकारी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक का उपयोग करने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के डिजिटल तकनीक से सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने का मार्ग प्रशस्त होगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कागजों पर निर्भरता को कम करने समय व धन की बचत और प्रभावशाली कार्यप्रणाली के लिए ई-ऑफिस को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस प्रणाली के माध्यम से दस्तावेजों की सुरक्षित उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा अधिकारियों को भी कार्य करने में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली दस्तावेजों के डिजिटाईजेशन तथा कागजी कार्रवाई को कम कर प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाएगी। इससे त्वरित सूचना प्राप्ति, सरल सामंजस्य तथा बेहतर परिणाम सामने आएंगे। इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी डॉ. अभिषेक जैन, सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एम.सुधा देवी, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया, निदेशक सूचना प्रौद्योगिकी मुकेश रेपसवाल, निदेशक तकनीकी शिक्षा विवेक चंदेल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
प्रदेश विद्युत बोर्ड के अनुसार प्राप्त जानकारी के अनुसार 19 जून को सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 19 जून को प्रातः 9 से सायं 6 बजे तक रबौन, वशिष्ठ कालोनी, नेगी कालोनी, राधा स्वामी, बघाट बैंक, सनातन धर्म मंदिर तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति में अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों के दृष्टिगत निर्धारित तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग की अपील की है।
हिमाचल के जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित प्रसिद्ध आईईसी यूनिवर्सिटी में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया। इसमें बद्दी की दो प्रतिष्ठित फार्मास्यूटिकल कंपनियों के उच्च अधिकारियों ने यह इंटरव्यू लिया। इंटरव्यू में विश्वविद्यालय के बी. फार्मेसी विभाग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के फार्मेसी विभाग के 17 छात्रों का कंपनी की ओर से जॉब के लिए चयन किया गया। इसमें अंकिता सहगल, प्रियंका जायसवाल, स्नेहलता, पारिश चौहान, सौम्य यादव, अंकित, राहुल गुप्ता, प्रेमलता, सुरेंद्र, सत्यम सिंह और मनीष गुप्ता का कंपनी की ओर से चयन किया गया है। इसके अलावा दूसरी कंपनी में अमन उपाध्याय, विकास, आयुष ठाकुर, जयश्री, सौरभ शर्मा, अंकिता गर्ग का चयन हुआ है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की ओर से फार्मेसी विभाग के छात्र-छात्राओं को प्लेसमेंट का अवसर दिलवाना था। इस अवसर पर इंटरव्यू के लिए यूनिवर्सिटी में पहुंचे विशेषज्ञों ने साक्षात्कार में भाग लेने वाले छात्रों को आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स दिए। इस दौरान इंटरव्यू स्किल्स और फार्मेसी विषय के व्यावहारिक ज्ञान का लाभ भी विद्यार्थियों को मिला। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इंटरव्यू में चयनित हुए विद्यार्थियों को बधाई और बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही बच्चों को विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में भी इस तरह के कैंपस इंटरव्यू का आयोजन कर बच्चों को रोजगार के बेहतर अवसर विश्वविद्यालय की ओर से मुहैया करवाए जाते रहेंगे। इसके अलावा फार्मा उद्योग की जरूरतों को समझते हुए बच्चों में आवश्यक स्किल्स विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा जिला के सलूणी में हुए हत्याकांड के मामले में भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए आज यहां कहा कि यह शायद देश का पहला ऐसा मामला है जिसमें सभी आरोपियों को पकड़ा जा चुका है और पुलिस की समयोचित कार्रवाई के बावजूद भाजपा इस पर शोर-शराबा जारी रखे हुए है। उनका यह प्रदर्शन पूर्णतया अवांच्छित है और इसे न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस मामले की संवदेनशीलता को देखते हुए पुलिस ने चौबीस घंटों के भीतर सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी तथा सरकार द्वारा राष्ट्रीय जांच एजैंसी से मामले की जांच करवाने संबधी मांग स्वीकार करने के बावजूद भाजपा द्वारा विरोध प्रदर्शन जारी रखना तर्कहीन है। केंद्र में सत्ता में होने के बावजूद भाजपा इस जांच को मुद्दा बना रही है जबकि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के लिए एक फोन कॉल पर यह जांच शुरू करवाना कोई बड़ी बात नहीं है। इससे प्रतीत हो रहा है कि इस घटना को राजनीतिक रंग देते हुए भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव-2024 को ध्यान में रखते हुए ऐसी तरकीबें अपना रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी के बावजूद घटना के 5 दिनों के बाद भाजपा युवा मोर्चा से जुड़े लोगों ने आरोपी के घर को आग की भेंट चढ़ा दिया। हालांकि उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से बार-बार आश्वस्त किया है कि इस मामले में संलिप्त सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद विरोध प्रदर्शन समझ से परे है और भाजपा इस मामले में ओछी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि बेहतर यह होता कि भाजपा प्रदेश हित से जुड़े मामलों एवं हिमाचल के अधिकारों के लिए केंद्र के समक्ष आवाज उठाती, जिससे कि प्रदेशवासियों का भी भला होगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हितों को प्राथमिकता देने के लिए आंदोलन में कांग्रेस पार्टी भी अपना पूर्ण सहयोग देगी। राज्य के हितों की रक्षा करने की दिशा में प्रदेश सरकार तथा विपक्ष की साझा जिम्मेदारी पर बल देते हुए उन्होंने जल उपकर तथा विभिन्न जल विद्युत परियोजनाओं में निःशुल्क बिजली की रॉयल्टी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भाजपा को प्रदेश सरकार का साथ देने का परामर्श भी दिया।
प्रदेश के पूर्व कर्मचारी नेता व भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हरिओम भनोट ने यहां जारी एक प्रेस बयान में कहा कि प्रदेश की सरकार को चंबा व ऊना की घटनाओं को लेकर के हिंदुओं पर रोष को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदू किसी धर्म के विरुद्ध नहीं है, हिंदू सबका सम्मान करता है। ऐसे में अपने आराध्य देव के प्रति टिप्पणियों को कैसे सहन किया जा सकता है? उन्होंने कहा कि मामला कुछ भी रहा हो लेकिन एक हिंदू युवक के टुकड़े कर दिए जाएं, ये कैसे सहन किया जा सकता है और जिस परिवार पर आरोप उसको लेकर के पैसों के साथ-साथ और कई अनेक जानकारियां सामने आ रही हैं इसलिए उन सब की जांच होनी चाहिए। इसके अलावा जो प्रवासी आते हैं, कुछ समय के लिए आते हैं, उन सब का पंजीकरण करने का काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की है इसलिए हिंदुओं का रोष सही है वह अपनी बात रख रहे हैं और सरकार को खोले मन के साथ कार्रवाई करनी चाहिए, सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज ने भी ऐसे परिवार का बहिष्कार करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि अनेक लोग धरने प्रदर्शनों में मुस्लिम शामिल हो रहे हैं। चंबा में हत्या मामले में भी मुस्लिम कई रोष प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले सब भारतीय हैं, हिंदू हैं, उसके बाद हम सबके धर्म हैं। इसलिए किसी भी धर्म का अपमान नहीं होना चाहिए और जो करें उसे अपनी गलती भी माननी चाहिए और कड़ी कार्रवाई भी होनी चाहिए।
जिला चंबा के सलूणी उपमंडल के तहत आते सलूणी क्षेत्र में हुयी हत्या व ऊना के मैहतपुर के एक चिकित्सक (मुस्लिम) द्वारा भगवान शिव व शिवलिंग को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को जिला ऊना भाजपा के कार्यकर्ताओं ने रोष मार्च निकाला और कार्यकारी उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौप राज्यपाल को भेजा। यह प्रदर्शन भाजपा ने पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर, भाजपा नेता पूर्व विधायक राजेश ठाकुर , भाजपा नेता प्रो. राम कुमार व जिला अध्यक्ष मनोहर लाल की अध्यक्षता में किया गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई को लेकर नारेबाजी की, साथ ही प्रदेश सरकार के विरुद्ध भी नारेबाजी की। भाजपा ने सलूणी हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई, फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने की मांग उठाई, ताकि इस घटना में न्याय मिल सके। वही, जिला ऊना में भगवान शिव व शिवलिंग पर अभद्र टिप्पणी को लेकर के भी उचित कार्रवाई उठाने का आग्रह किया। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि इस प्रकार के हत्याकांड ने कहीं न कहीं हिमाचल की छवि को धूमिल किया है कहा कि जब से सत्ता में कांग्रेस आई है, तब से प्रदेश में रोज कुछ न कुछ हो रहा है। कहीं भगवान भोले नाथ पर अश्लील टिप्पणी हो रही है तो कही हिन्दू युवक का खून बहाया जा रहा है। ऐसी मानसिकता के लोगों को उचित से उचित सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों एक मुस्लिम समुदाय से संबंध रखने वाले डॉ. ने भी ऊना में हमारे आराध्य देव भोलेनाथ जी के बारे में गलत टिप्पणी सोशल मीडिया पर की थी, जिस के चलते आज भी लोगों में उस डॉक्टर के खिलाफ रोष है और रोज प्रदर्शन हो रहे है, लेकिन अभी भी उसकी गिरफ्तारी नहीं हुयी है। उन्होंने कहा कि उक्त सारे मामले को लेकर भी आज कार्यकारी जिलाधीश के समक्ष ज्ञापन दिया गया है।
इंदौरा क्षेत्र में पड़ते हिमाचल प्रदेश के आयुष विभाग के वेलनेस सेंटर भोगरवा में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी अपने केंद्रों के अंतर्गत पड़ते गांवों में घर द्वार और स्कूलों में जाकर योगाभ्यास करवा रहे हैं। भोगरवा वेलनेस सेंटर में कार्यरत आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी निशा बनोटा ने बताया कि 21 जून को मनाए जा रहे 9वें अंतर्राष्टीय योग दिवस को सफल बनाने के चलते वेलनेस सेंटर भोगरवा के सौजन्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोगरवा में एक दिवसीय योगा अभ्यास कैंप आयोजित किया गया, जिसमें 418 विद्यार्थियों के साथ साथ 26 स्कूल के स्टाफ मेंबरों ने हिस्सा लिया। वहीं केंद्र के अंतर्गत पड़ते पलाखी गांव में भी लोगों घर द्वार जाकर लोगों को योगा प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न विभिन्न योगाभ्यास करवाए, जिसमें पलाखी गांव की 60 महिलाओं ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि इस बार योग दिवस "हर आंगन योग" थीम पर व्यापक स्तर मनाया जा रहा है। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि योग प्राचीन भारतीय पराम्परा एवं संस्कृति की अमूल्य देन है। योग अभ्यास शरीर, मन विचार कर्म आत्मसंयम एवं पूर्णता की एकात्मकता और मानव और प्रकृति के बीच सामंजस्य प्रदान करता है। यह स्वास्थ्य एवं कल्याण का पूर्णतावादी दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नही है, बल्कि स्वयं के साथ, विश्व और प्रकृति के बीच एकत्व खोजने का भाव हैैं। योग हमारी जीवन शैली में परिवर्तन लाकर हमारे अंदर जागरूकता उत्पन्न करता है तथा प्राकृतिक परिवर्तनों से शरीर में होने वाले बदलावों को सहन करने में सहायक होता है।
जिला कुल्लू के तहत आनी में आग लगने की घटना सामने आई है। साथ लगते करसोग के चवासी क्षेत्र की पंचायत तुमन के अंतर्गत गांव खरोआ में एक दोमंजिला रिहायशी मकान जलकर राख हो गया। यह मकान गोविंद और उनके दो भाईयों का का था। इस घटना में प्रभावित परिवार को लाखों की क्षति पहुंची है। इस अग्निकांड से गांव में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार के साथ आग को बुझाने का भरसक प्रयास किया मगर आग तेजी से फैली। प्रशासन ने प्रभावितों को दी राहत इस घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग की लपटों को शांत किया। तब तक दो मंजिला रिहायशी मकान पूरी तरह से अग्निकांड की भेंट चढ़ चुका था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आगजनी की घटना का जायजा लेकर इसकी रिपोर्ट तैयार की।
हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा और हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ संबद्ध सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने आज राज भवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से भेंट की। ये अधिकारी हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिप्पा), फेयरलॉन, शिमला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। राज्यपाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ बातचीत में उन्हें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में सदैव जागरूक रहने तथा अपने कार्यों के माध्यम से समाज और राज्य के विकास में योगदान देने का परामर्श दिया। उन्होंने अधिकारियों को पूरी लगन और ईमानदारी से समाज की सेवा करने को कहा। शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि प्रशिक्षु अधिकारियों को अच्छे व्यवहार और उत्कृष्ट सेवाओं के माध्यम से आमजन के बीच पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभव भी साझा किए और उन्हें सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का परामर्श दिया।
किन्नौर जिला के निचार स्थित जेएसडब्लयू अस्पताल शोल्टू में 27 से 30 जून तक बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी आज यहां मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सोनम नेगी ने दी। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी मेडिकल काॅलेज शिमला के 30 विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच तथा मरीजों का उपचार व आॅप्रेशन इत्यादि संबंधी चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस चिकित्सा शिविर में सभी प्रकार की सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने जिला के सभी लोगों से इस निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार जनजातीय जिला के लोगों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाने के प्रति वचनबद्ध है। इसी के अंतर्गत किन्नौर जिला के लोगों को चिकित्सा संबंधी सभी सुविधा उनके घर-द्वार के निकट उपलब्ध करवाने की दिशा में यह प्रदेश सरकार की पहल है। प्रदेश सरकार द्वारा अपने पहले ही बजट भाषण में राज्य के प्रत्येक विधानसभा के एक स्वास्थ्य संगंठन को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों में उचित मूल्य पर गुणवत्ता पूर्ण दवाईंया, मशीन व उपकरण की खरीद के लिए हिमाचल प्रदेश चिकित्सा सेवा निगम की स्थापना जैसे जन-हित निर्णय लिए गए हैं।
भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा को एक पत्र लिखा। पत्र में उनका ध्यान देव भूमि हिमाचल प्रदेश के सलूणी ज़िला चंबा हत्याकांड की ओर आकर्षित किया गया जहां 21 वर्षीय युवक मनोहर की हत्या कर उसके टुकड़े-टुकड़े करने का मामला जनता के समक्ष आया है। अविनाश राय खन्ना ने कहा कि यह मानव अधिकारों का हनन है। उन्होंने अरुण कुमार मिश्रा से अनुरोध किया कि इस विषय का संज्ञान लेकर कार्यवाही पर परिवारजनों को मुआवजा दिलाने की कृपा करें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से सत्य को अंजाम दिया गया है यह एक गंभीर विषय है और हिमाचल सरकार को भी इस विषय को गंभीरता से लेना चाहिए।
नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के विरूद्ध 26 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय दिवस के तहत राष्ट्रीय तथा राज्य स्तर पर नशा-निवारण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें जिसके अंतर्गत जिला किन्नौर में 19 जून से 25 जून तक सात दिवसीय नशा-निवारण व अवैध तस्करी से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किन्नौर जिला के उपायुक्त सभागार में उपायुक्त तोरूल एस रवीश की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला कल्याण अधिकारी द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि जिला के सभी शैक्षिणक संस्थानों को नशा-मुक्त हिमाचल के तहत लाया जाएगा व नशे से दूर रहने संबंधित विभिन्न प्रचार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिला के तीनों विकास खण्डों में स्वास्थ्य वार्ता नशीली दवाओं के दुरुपयोग संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान के तहत जिला के सभी विद्यालयों व अन्य शैक्ष्णिक संस्थानों को तम्बाकू उत्पादों रहित बनाने पर विशेष बल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 21 जून, 2023 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर होने वाले जिला स्तरीय विशेष योग शिविर में नशा-निवारण व अवैध तस्करी को समाप्त करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 19 जून से पंचायत स्तर पर सात दिवसीय व्यापक भांग उन्मूलन गतिविधियां आयोजित कर भांग उखाड़ो कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां ट्रिब्यून रियल एस्टेट एक्सपो-2023 का शुभा रंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने डिवेलपर के साथ बातचीत भी की और ग्राहकों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। इस एक्सपो में लगभग 15 डिवेलपर, प्रमोटर तथा सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक भाग ले रहे हैं। मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, ट्रिब्यून ट्रस्ट के अध्यक्ष एन.एन.वोहरा, उपायुक्त आदित्य नेगी और पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी, प्रो. सिकंदर कुमार ने संयुक्त बयान में कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के मंत्रियों एवं राजनीतिक सलाहकारों के बयानों को पढ़कर बहुत मानसिक कष्ट लगा। भाजपा नेताओं ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एक जघन्य हत्याकांड हो गया। एक दलित परिवार के युवा की हत्या करके आरे से उसके शरीर के टोटे-टोटे कर दिए गए और सरकार इस गंभीर मामले को मामूली घटना, ईक्का-दुक्का घटना कहकर अपना पल्ला झाड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक्शन में आने की बजाए भाजपा पर दोषारोपण करने में जुट गई है। कांग्रेस सरकार के वन मंत्री इस प्रकार के भयावह हत्याकांड की जिम्मेदारी पुरानी सरकार पर डालने में लगे हैं। कांगड़ा के वरिष्ठ मंत्री मीडिया के सामने मुकर गए कि मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं है, पता करूंगा कि क्या हुआ है और कहा कि इस तरह की ईक्का-दुक्का घटनाएं तो होती रहती हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय को जिस समय इस घटना को गभीरता से लेते हुए इस पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए थी, उस समय वे विभागों के फेर बदल में लगे हुए थे, उन्हें प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था की कोई चिंता नहीं थी।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला शलाह में अध्यापकों, छात्रों एवं इनरव्हील क्लब के सम्मिलित प्रयासों से कचरा प्रबंधन कर इको पार्क का निर्माण किया गया। अधिक जानकारी देते हुए पाठशाला प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों एवं स्टाफ द्वारा खाली बेकार पड़ी बोतलों को इकट्ठा करके उनसे इकोब्रिक्स बनाई गई और इनरव्हील क्लब शिमला द्वारा बेकार टायरों के द्वारा बैठने के लिए सुंदर स्टूल, कुर्सियां और टेबल बनाए गए। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू की गई है। इसका एक ही उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इनरव्हील क्लब शिमला की अध्यक्षा अलका शर्मा ने पाठशाला प्रभारी प्रदीप कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समुदाय को विद्यालय के साथ जोड़कर प्रदीप कुमार विद्यालय विकास में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। शैक्षिक गतिविधियों के साथ साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी कड़ी में पाठशाला शलाह को पर्यावरण संरक्षण प्रहरी के रूप में पहचान दिलाई है। पाठशाला शलाह की ECO क्लब की इकाई पर्यावरण संरक्षण के प्रति बहुत सजग है और प्रदीप कुमार के मार्गदर्शन में बहुत बेहतरीन कार्य कर रही है। इन्हीं के कार्यों को देखते हुए क्लब ने यह निर्णय लिया कि इस पाठशाला को इस प्रकार की सामग्री और अन्य सुविधाएं उपलब्ध प्रदान कर सहयोग किया जाए। डॉ अलका शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी विभिन्न सहयोग सेवाएं देकर सहयोग किया जाएगा। इस अवसर पर पाठशाला में क्लब के सौजन्य से इंटर स्कूल फन गेम का आयोजन भी करवाया गया जिसमें प्राथमिक पाठशाला शलाह सहित केंद्र प्राथमिक पाठशाला ममलीग , पाठशाला बांजनी के बच्चों ने भी भाग लिया। अभिभावकों ने बच्चों की खेलों का पूर्ण आनंद लिया। अभिभावकों और बच्चों को जी-20 जनभागीदारी द्वारा भारत निर्माण के प्रति जागरूक किया गया। G-20 जागरूकता रैली भी निकाली गई। अंत मे विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता छात्रों को क्लब की अध्यक्षा डॉ अलका शर्मा द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पाठशाला प्रभारी प्रदीप कुमार ने इनरव्हील क्लब शिमला का विद्यालय को हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए धन्यवाद किया।
9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राज्य स्तरीय समारोह सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में आगामी 21 जून को आयुष विभाग द्वारा आयोजित किया जाएगा। उद्योग, आयुष व संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान समारोह के मुख्य अतिथि होंगे जबकि नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे। योग दिवस की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सुमित खिमटा की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उन तमाम पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई जो समारोह को भव्य व सफल बनाने में कारगर होंगे। उपायुक्त ने कहा कि योग दिवस में शहर के विभिन्न स्कूलों, आर्ट ऑफ लिविंग, सत्य साईं समिति, पतंजलि सहित विभिन्न संस्थाओं के 1000 से अधिक प्रतिभागी भाग लेंगे। समस्त प्रतिभागियों को प्रातः 5.30 बजे नाहन चौगान में पहुंचने का आग्रह किया गया है। उन्होंने जिला आयुर्वेद अधिकारी को योग में भाग लेने वाले स्कूलों, संस्थाओं व अन्य समस्त प्रतिभागियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिये। सुमित खिमटा ने कहा कि जिला के लिए यह सौभाग्य की बात है कि इस बार राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की मेजबानी करने का अवसर सिरमौर के लिये प्राप्त हुआ है। समस्त प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि हर्षवर्धन चौहान व गणमान्य अतिथियों के साथ योग करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला को और मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष को एक पत्र लिखा। पत्र में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिला का जिक्र किया गया जहां आंगनबाड़ी केंद्र को शिफ्ट करने की बात की गई है और जो उसके समीप एक शराब का ठेका खोला गया था। उस ठेके का वहीं पर स्थान देने का जिक्र है। उन्होंने बताया की सरकार के ऐसे निर्णय से आम जनता के अंदर काफी रोष है, आंगनबाड़ी हिमाचल प्रदेश के बच्चों का भविष्य बनाने का कार्य करता है और शराब का ठेका उनके भविष्य को बिगाड़ने का कार्य करता है। उन्होंने राज्यपाल महोदय से आग्रह किया है कि इस पत्र पर उचित कार्रवाई की जाए।
कुत्तों की जन्म दर को कम करने के लिए सिरमौर जिला में 16 जून से 28 जून तक एक विशेष अभियान का शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत कुत्तों की जन्म दर को कम करने के लिए पशु पालन विभाग द्वारा वैक्सीनेशन और स्टेरलाइजेशन का कार्य किया जायेगा। यह अभियान पशुपालन विभाग और नगर परिषद के संयुक्त तत्वावधान में चलाया जायेगा। उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने पशु पालन विभाग द्वारा शुक्रवार को नाहन में आयोजित जिला समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी प्रदान की। सुमित खिमटा ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल से कार्य करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों के कारण शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, इस लिए इस अभियान को हर हाल में सफल बनाया जाये। उन्होंने जिला के सभी लोगों से विशेष कर ‘डॉग लवर’ से आग्रह किया है कि अमेरिकन पिटबुल नस्ल के डॉग सहित प्रतिबन्धित 9 नस्लों के कुत्तों को हर सूरत में न पाला जाये, क्योंकि इनसे मानवीय जीवन को बहुत बड़ा खतरा है। उपायुक्त ने जिला में चल रहे गौ-सदनों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए कहा कि वर्तमान में जिला में 14 गौसदन चल रहे हैं, जिनमें करीब 1300 गोवंश का पुनर्वास किया गया है। जिला में निराश्रित गौवंश की समस्या को देखते हुए और अधिक गौशालाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिलाई क्षेत्र में वर्तमान में कोई भी गौशाला कार्यरत नहीं है और यहां पर गौशालाओं के निर्माण की आवश्यकता है। उन्होंने शहरी नागरिकों से आग्रह किया है कि सैर के समय अपने डॉग को बांध कर ले जायें ताकि किसी भी नागरिक को कुत्ते से नुकसान न हो। इसके अलावा कुत्तों द्वारा सड़कों के किनारे और सैर स्थल पर मल की गंदगी न फैलाई जाये इसका भी ध्यान रखा जाये। पशुपालन विभाग की ओर से उपायुक्त को बताया कि सुकेती में करीब 500 गौवंश के लिए एक गौशाला का निर्माण प्रस्तावित है जिसके लिए करीब 10 बीघा भूमि की आवश्यकता है। उपायुक्त ने इस सम्बन्ध में उचित कार्रवाई करने के निर्देश सम्बन्धित विभाग को दिये। उपायुक्त ने बिना टैग लगे निराश्रित गौवंश को जिला के गौशालाओं में पुनर्वास के लिए भेजने हेतु आवश्यक प्रबन्ध करने के लिए विभाग को निर्देश दिए। इसके अलावा जिन पशुओं के टैग लगे हैं उनके मालिकों का चालान करने के लिए कहा। उन्होंने शहरी क्षेत्र में बंदरों की समस्या से निपटने के लिए नगर परिषद और वन विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने पंचायती राज संस्थाओं को पंचायत स्तर पर निराश्रित पशुओं की समस्या के समाधान के लिए उचित पग उठाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जख्मी गौवंश का उपचार तुरंत किया जाना चाहिए इसके लिए शहरी क्षेत्र में नगर परिषद और ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत स्तर पर सूचनाओं का आदान-प्रदान समय पर किया जाये। उपायुक्त ने मीट विक्रेताओं के शॉप और स्लाटर हाउस का समय-समय पर निरीक्षण कर, रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा।
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन ने शुक्रवार को दून भाजपा मंडल द्वारा आयोजित स्युंक्त मोर्चा सम्मेलन में लोकसभा चुनावों की तैयारियों पर मंथन किया। टंडन ने उपस्थितकार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनको लोकसभा के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होने कहा कि हमारा मकसद हर गांव व गली नहीं, बल्कि हर घर तक पहुंचना है और लोगों से सीधा संपर्क करना है। उन्होने कहा कि केंद्र सरकार के नौ वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण हेतू प्रतिबद्ध है और इसी को नारा व आधार बनाया गया है। इसमें हर प्रमुख कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वो घर घर जाकर संबंधित परिवार का पंजीकरण मिस्ड काल करके करवाए और उसके बाद उसको सरल एप से जोड़े। इस एप के तहत यह पता लग जाएगा कि आपने दिन में कितने लोगों से संपर्क किया और घर बैठे सदस्यता फार्म भर देने वाला जमाना अब समाप्त हो गया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन किया, अनेकों ऐतिहासिक कार्य करके विश्व में अलग पहचान बनाई, और एक नए भारत का निर्माण किया। इसके बाद टंडन ने बद्दी निवासी शिव कुमार कौशल वार्ड 2 व चक्क जंग निवासी कमल वेद भारद्वाज ने चाय पर चर्चा की। भाजपा ने टिफिन पर चर्चा के बाद चाय पर चर्चा के लिए हर प्रमुख नए घर से सपंर्क साधने की नीति बनाई है। जिसमें कोई बड़ा कार्यकर्ता जाएगा। इन दोनों परिवारों में टंडन ने मिस्ड काल करवाकर उनको केंद्र सरकार की नीतियों से अवगत कराया वहीं उनको आगामी लोकसभा के लिए भाजपा का साथ देने का आहवान किया।
चंबा जिला के सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत भंडल में हिंदू दलित युवा मनोहर की बर्बरतापूर्ण हत्या की भाजपा के राज्यसभा सांसद प्रोफेसर डॉक्टर सिकंदर कुमार ने कड़ी भत्सर्ना की है। उन्होंने कहा है कि यह मानवता के रोंगटे खड़े कर देने वाली ह्रदयविदारक घटना है। राज्यसभा सांसद ने इस मामले में मांग की है कि निश्चित समय के अंदर इस मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट के अंदर सुनवाई की जाए और दोषियों को कठोर से कठोर दंड दिया जाए, ताकि समाज के सामने एक उदाहरण पेश किया जा सके। उन्होंने कहा है कि इस मामले की त्वरित सुनवाई होनी चाहिए और प्रदेश सरकार इस पर निर्णय करे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रवक्ता ने प्रेस वार्ता की पर भाजपा द्वारा पूछे हुए किसी भी उत्तर का जवाब नहीं दिया। भाजपा ने तो साफ पूछा था कि मुख्यमंत्री बार-बार यह कहते हैं कि 97% आबादी वाले हिमाचल प्रदेश में उन्होंने विजय प्राप्त की है उसका क्या तात्पर्य है ? जो मुख्य आरोपी इस हत्याकांड में पकड़ा गया है, उसके पास दो करोड़ पर बचत खाते में कैसे आए? उसके पास 3 बीघा मलिकयत की जमीन है पर 100 बीघा पर कब्जा है? सरकार एनआईए की जांच क्यों नहीं करवा रही है ? कांग्रेस के प्रवक्ता ने केवल मात्र अपनी पार्टी और सरकार को बचाने का प्रयास किया है। भाजपा सांसद ने कहा है कि इतने बर्बर तरीके से हत्या की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य यह है कि यह घटना देवभूमि हिमाचल प्रदेश की पवित्र भूमि पर हुई है और वह भी विशेष तौर पर चंबा जैसे जिले में जो शिवभूमि के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि एक समुदाय विशेष के परिवार द्वारा उसी के परिचित हिंदू समुदाय के दलित लड़के को बर्बर तरीके से हत्या कर शव को कई टुकड़ों में काटकर बोरी में डाल कर नाले में फेंकना मानवता के लिए बहुत ही शर्मसार है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने कहा कि लोक सेवा और जन कल्याण ही सुक्खू सरकार का ध्येय है। सरकार लोगों को घरद्वार पर सुविधाएं देने तथा उनके जीवन में व्यापक सुधार के लिए तमाम कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गांव, गरीब, किसान और मजदूर को मजबूत बनाने तथा पर्यटन समेत अन्य विकासात्मक गतिविधियों से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया है।बाली ने शुक्रवार को कांगड़ा में अपने आवास पर जन समस्याएं सुनते हुए यह उद्गार प्रकट किए। इस दौरान उन्होंने करीब 215 लोगों की समस्याओं को सुना तथा अधिकतर का मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। मनप्रीत की एमबीबीएस फीस में मदद करेंगे बाली इस दौरान उपस्थित नगरोटा बगवां निवासी मनप्रीत ने उन्हें परिवार की आर्थिक तंगी के चलते एमबीबीएस पढ़ाई की पूरी फीस दे पाने में असमर्थता की पीड़ा सुनाई। उनका एमबीबीएस के लिए मेडिकल कॉलेज सप्तगिरि बैंगलोर में दाखिला हुआ है, जिसके लिए पारिवारिक सहयोग से एकत्र धनराशि के बाद भी उन्हें फीस के लिए करीब 5 लाख रुपये कम पड़ रहे हैं। इस पर आर.एस.बाली ने तुरंत अपनी ओर से फीस के लिए 5 लाख रुपये देने की बात कही। बाली से मिली आर्थिक मदद से गदगद मनप्रीत ने उनकी संवेदनशीलता और गरीबों, युवाओं की मदद से हमेशा उपलब्ध रहने के उनके स्वभाव की सराहना करते हुए पूरे परिवार की ओर से उनका आभार जताया। मनप्रीत ने कहा कि बाली की मदद उसके डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करने में बड़ा संबल होगी। वहीं इस दौरान जसौर पंचायत के वार्ड नंबर 3 से आई 25 महिलाओं की पीने के पानी की समस्या का हल करने के लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मौके पर बात की और जल्द से जल्द इस कार्य को करने के निर्देश दिए। पर्यटन विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन संबंधी परियोजनाओं के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विजन के अनुरूप एक नई पर्यटन नीति तैयार करने पर गहन विचार किया जा रहा है। इसमें प्रदेश के अनछुए स्थलों को प्रमुखता से उभारने की दिशा मे काम किया जाएगा, ताकि बड़ी संख्या में पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित किया जा सके। पर्यटन अधोसंरचना में सुधार को लेकर का काम किया जा रहा है। नगरोटा बगवां में नई परियोजनाओं से विकास को मिलेगी नई गति बाली ने कहा कि नगरोटा बगवां का चहुंमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में नई और बड़ी परियोजनाएं लाकर विकास की नई मिसाल खड़ी की जाएगी। राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल की बात हो, थीम आधारित सेटेलाइट गांव बनाना हो याकि अत्याधुनिक ओल्डेज रिजॉर्ट का निर्माण हो, ये सभी परियोजनाएं बहुत जल्द नगरोटा बगवां क्षेत्र में धरातल पर उतरेंगी और यहां के हर नागरिक की विकास में भागीदारी तय होगी।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने आज यहां जारी संयुक्त प्रेस वक्तव्य में कहा है कि जिला चंबा के सलूणी में हुई हत्या के मामले में कानून अपना कार्य कर रहा है। लेकिन, इसके बावजूद विपक्ष इस घटना पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगा है। उन्होंने कहा कि चंबा के सलूणी की घटना को विपक्ष राजनीतिक रंग देने की कोशिश न करे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में मुस्तैदी से अपना कार्य कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और आगामी कानूनी कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने सलूणी के लोगों और प्रदेश की जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों पर जिला प्रशासन उचित कार्रवाई कर रहा है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक को भी घटनास्थल पर भेजा गया है। मुख्यमंत्री ने जिला चंबा में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। हत्याकांड में संलिप्त आरोपियों को कानून अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलवाई जाएगी। मुख्य विपक्षी दल भाजपा को पूरे मामले में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन जिम्मेदारी से अपना कार्य कर रहा है तथा मामले की गहनता से जांच जारी है। उन्होंने कहा कि शव बरामद होने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्त में लिया जा चुका है और आगे की जांच पुलिस कर रही है। इस घटना को सांप्रदायिक रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। मंत्रियों ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे घटनाक्रम पर अपनी नजर बनाए हुए है। पीड़ित परिवार के प्रति प्रदेश सरकार की संवेदनाएं हैं और राज्य सरकार उन्हें न्याय दिलवाने के लिए कृतसंकल्प है। सरकार किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं देगी। राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और पूरी गम्भीरता से यह जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि है, जहां हर वर्ग, जाति और संप्रदाय से जुड़े लोग आपसी भाईचारे के साथ सदियों से रह रहे हैं। मुख्य विपक्षी दल से भी अपील है कि जन भावनाओं को भड़काने का काम न करे, क्योंकि इससे आपसी सौहार्द बिगड़ने की सम्भावनएं बनी रहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की इस पूरे मामले में अभी तक की भूमिका गैर जिम्मेदाराना रही है।
बहुप्रतीक्षित कांगड़ा वैली कार्निवल का धर्मशाला में धमाकेदार आगाज हुआ। शुक्रवार को कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने धर्मशाला के पुलिस मैदान में कार्निवल की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने मिलेट्स फूड फेस्टिवल और क्राफ्ट बाजार की भी शुरुआत की। उन्होंने कार्निवल में सजाई विभिन्न विभागीय प्रदर्शनियों का शुभारंभ भी किया। कृषि मंत्री की धर्मपत्नी कृष्णा चौधरी भी इस मौक़े उनके साथ रहीं। कार्यक्रम में पद्मश्री नेक राम शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि जिला कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से देश के सर्वोत्तम स्थलों में से एक बनाने के लक्ष्य को साधने के लिए सरकार नए आयामों पर कार्य कर रही है। इसी के चलते ‘कांगड़ा वैली कार्निवल’ जैसे वाइब्रेंट आयोजन पर्यटन की संभावनाओं को यहां विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवल के आयोजन से पर्यटन राजधानी कांगड़ा में कला, संस्कृति और कौशल के मंचन और प्रदर्शन से जुड़े कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन विकास को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा वैली कार्निवल प्रदेश के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों से यहां घूमने आए पर्यटकों के मन पर भी एक अमिट छाप छोड़ेगा। *कांगड़ी-पहाड़ी तरानों पर झूमे लोग* आयोजन के मौके पर बादल भी खूब बरसे। पर बसरते मेघों ने कार्निवल के आंनद में डूबने को आतुर लोगों के उत्साह को मानो दोगुना कर दिया। हिमाचली लोक संस्कृति को समर्पित पहली सांस्कृतिक संध्या में लोग कांगड़ी-पहाड़ी तरानों पर लोग खूब झूमे। इस दौरान अन्य प्रस्तुतियों के अलावा हिमाचल के नामी गायकों करनैल राणा, दीक्षा तूर, सुनील राणा और कुमार साहिल की मखमली आवाज के जादू ने सबको सम्मोहित कर दिया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला सभी सोलन वासियों के लिए अत्यंत शुभ अवसर है और मेले के तीनों दिन सोलन शहर को दीपावली की तरह सजाया जाना चाहिए। डाॅ. शांडिल आज राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला की तैयारियों को लेकर नगर निगम सोलन के पार्षदों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। डाॅ. शांडिल ने कहा कि सोलन शहर को दीपावली की तरह सजाकर मां शूलिनी का अभिनन्दन किया जाएगा। उन्होंने सभी स्थानीय निवासियों से आग्रह किया कि वह मेले अवधि में अपने घरों की सजावट करें, ताकि पूरा शहर प्रकाशमय हो जाए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान नगर निगम द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए स्वच्छता समिति गठित कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इस समिति में स्कूली बच्चों, काॅलेज के बच्चों, एनसीसी, एनएसएस के बच्चों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नगर निगम द्वारा मेले के दौरान लगने वाले झूलों का ठेका 33 लाख रुपये में दिया गया है जो गत वर्ष से लगभग एक लाख रुपये अधिक है। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शूलिनी मंच को भी बढ़ाया गया है। उन्होंने ठोडो मैदान में स्थाई उत्तम गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि सोलन शहर की सुंदरता को बनाए रखने में बजट की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। डाॅ. शांडिल ने सोलन के कथेड़ को खेल सिटी में विकसित करने के लिए नगर निगम सोलन को सम्भावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग करने के उपरांत सभी नागरिकों से अपने-अपने वार्डों में सफाई करने का आग्रह भी किया। बैठक में उपिस्थत पार्षदों ने मेला आयोजन के संबंध में बहुमूल्य सुझाव प्रस्तुत किए और मेले को सफल बनाने के लिए हर सम्भव सहयोग का आश्वासन दिया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज राजभवन में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी-2023 परीक्षा में प्रदेशभर में टॉप करने वाली और देश में 136वीं रैंक हासिल करने वाली कुमारी चारवी सपटा को सम्मानित किया। इस मौके पर उनकी माता सरला सपटा भी उपस्थित थीं। राज्यपाल ने चारवी को उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, माता-पिता और शिक्षकों के आशीर्वाद से उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है जो दूसरों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने उसके उज्ज्वल भविष्य की और विश्वास जताया कि वह एक अच्छी डॉक्टर बनकर देश का नाम रोशन करेंगी। कुमारी चारवी ने कहा कि वह एक सफल हृदय रोग विशेषज्ञ बनना चाहती हैं। वह शिमला जिले के रोहड़ू की रहने वाली हैं।
प्रदेश के जिला सिरमौर के रेणुका क्षेत्र का द्राबिल स्कूल चपरासी के सहारे चल रहा है। वर्तमान में स्कूल में एक भी शिक्षक नहीं है, पिछले एक साल से यह स्कूल एक शिक्षक ही के भरोसे चल रहा था, लेकिन उस शिक्षक की प्रमोशन होने के बाद भगवान भरोसे इस स्कूल को छोड़ दिया गया है। शिक्षा विभाग को इसकी खबर तक नहीं है। कई बार शिक्षा विभाग के समक्ष इस मामले को उठाने के बाद भी यहां अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने शिक्षा मंत्री से गुहार लगाई है कि जल्द यहां के लिए स्टाफ का प्रबंध किया जाए अन्यथा यहां पढ़़ने वाले 66 बच्चों का भविष्य खराब हो जाएगा।
साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में पहली बार एडवेंचर स्पोट्स फेडरेशन का गठन हुआ है। इसकी पहली बैठक शुक्रवार को धर्मशाला में फेडरेशन के अध्यक्ष एवं विधायक सुधीर शर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें फेडरेशन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस मौके पर सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में साहसिक पर्यटन की काफी संभावना है। यहां पर एडवेंचर टूरिज्म को अधिक से अधिक प्रमोट किया जाना जरूरी है। इससे यहां पर्यटन भी बढ़ेगा और कई लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इसी दृष्टि को लेकर एक फेडरेशन बनाई गई है, जिससे एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े लोगों को इक_ा किया जा सके और उनको बेहतरीन मंच उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि फेडरेशन के तत्वावधान में नवंबर महीने में इसी साल धर्मशाला में इंडिया इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस एक्सपो आउटडोर स्पोर्ट्स इक्विपमेंट एंड टेक्नोलॉजी का आयोजन किया जा रहा है। भारत सरकार का सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के बैनर तले आयोजित होने वाले इस एक्सपो में एडवेंचर स्पोर्ट्स को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर के वक्ता धर्मशाला आएंगे। इसमें हिमाचल प्रदेश में साहसिक खेलों को लेकर चर्चा होगी। इसमें प्रदेश में एडवेंचर स्पोर्ट से जुड़े लोग भी भाग लेंगे। इस एक्सपो के दौरान एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़े विभिन्न उपकरणों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इस तरह का यह साउथ एशिया का पहला आयोजन होगा। इस मौके पर फेडरेशन के अध्यक्ष सुधीर शर्मा, अरविंद कंवर, जगदीप सिंह भल्ला, चेतक कंवर, अजय शर्मा, एडवोकेट अंकुर सोनी, अरविंद पाल, गौतम ठाकुर, सतीश कुमार, अविनाश धवन, डॉ. चंद्रभूषण, डा निशांत मेहता, मुनीष दीक्षित व सुधांशु मौजूद रहे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बठरा में अंडर- 14 छात्र-छात्राओं की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। इस मौके पर विद्युत विभाग देहरा के अधिशासी अभियंता कुलदीप सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। चार दिवसीय प्रतियोगिता में 41 विद्यालयों के 650 विद्यार्थियों ने भाग लिया। छात्रा वर्ग में कबड्डी में बठरा स्कूल विजेता और लग बलियाना स्कूल उपविजेता रहा। वॉलीबॉल में डीएवी एम विजेता और एलवीएमएस नंगल चौक उपविजेता, बैडमिंटन में कडौ़आ विजेता और निरहुआ उपविजेता, चैस में कानपुर विजेता और बाथु टिप्परी उपविजेता रहा। इस समारोह में दिलबर जीत सिंह चंद्र सेवानिवृत्त शिक्षा उपनिदेशक, बलदेव सिंह बडालिया, एसएमसी प्रधान, पंचायत प्रधान सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। यह जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार ने दी।
हिमाचल प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र के विकास की अपार क्षमता है। राज्य सरकार प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग की स्थापना के लिए आवश्यक प्रोत्साहन एवं सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में आईटी उद्योग के विकास के लिए सरकार द्वारा अधोसंरचना, मानव संसाधन, नीतिगत ढांचा और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए भविष्य की कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रदेश में सेमीकंडक्टर उद्योग को दिए जा रहे प्रोत्साहन पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि सरकार आईटी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों की विशेषज्ञता और उपलब्ध संसाधनों से लाभ उठाने के लिए सहयोग और साझेदारी की सम्भावनाएं तलाश रही हैं। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार ने डिजिटल गवर्नेंस के लिए मुख्यमंत्री परिषद का गठन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में सेमीकंडक्टर उद्योग को बढ़ावा देने के लिए एक रणनीति तैयार की जाएगी, जिसके लिए जल्द ही एक कमेटी का गठन किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारतीय उद्योग परिसंघ, भारतीय इलेक्ट्रॉनिक उद्योग संघ, भारत ऊर्जा भण्डारण गठबंधन तथा राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के साथ मजबूत सम्बंध स्थापित कर हिमाचल में आईटी उद्योग, विशेषतौर पर सेमीकंडक्टर उद्योग, को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही प्रदेश के इच्छुक छात्रों को प्रशिक्षण और अनुभव प्रदान करने के लिए शीर्ष शैक्षणिक संस्थानों के साथ विनिमय कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग क्षेत्र से जुड़े ऐसे हिमाचली विशेषज्ञ जोकि विदेशों में रहते हैं, उनसे सलाह एवं समर्थन लिया जाएगा। राज्य सरकार कोर सेमीकंडक्टर चिप्स के निर्माण के बजाए सेेंसर, सेमीकंडक्टर पैकेजिंग और डिजाइन निर्माण जैसे उद्योगों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन डिजिटल प्रौद्योगिकियों और सेवाओं पर ही ध्यान केंद्रित किया जाएगा जोकि सेमीकंडक्टर उद्योग को पूरक बना सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी संस्थानों में कार्यरत फैकल्टी तकनीकी शिक्षा विभाग के माध्यम से भारतीय प्रबन्धन संस्थानों (आईआईएम) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) से सम्पर्क कर तकनीकी ज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। आईटी सचिव, डॉ. अभिषेक जैन ने बताया कि भारत सरकार द्वारा चलाई जा जा रही विभिन्न सम्बंधित योजनाओं के माध्यम से सहायता प्राप्त करने, और अनुसंधान एवं विकास, प्रयोगशालाओं और सेमीकंडक्टर उद्योग की स्थापना के विभिन्न पहलुओं से जानकारी हासिल की जाएगी।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने चंबा जिला के सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत भंडल में एक युवक की हत्या पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार एवं प्रशासन द्वारा कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। यहां जारी एक वक्तव्य में राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल एक शांतिप्रिय राज्य है और इस तरह की घटनाएं निंदनीय है। उन्होंने लोगों से कानून-व्यवस्था अपने हाथों में न लेने का भी आग्रह किया। उन्होंने लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की है। राज्यपाल ने घटना में मृतक के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं भी व्यक्त की हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह के जन्मदिन पर आज पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने जश्न मनाते हुए उनके दीर्घ आयु की कामना की। इस दौरान पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व बड़ी संख्या में समर्थकों व कार्यकर्ताओं ने होली लॉज जाकर फूल मालाएं पहना कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि जन्मदिन पर बधाई देने आए सभी लोगों, पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जो प्यार व सम्मान प्रदेश के लोगों ने होली लॉज को दिया है उसका ऋण वे कभी नहीं चुका सकतीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास के मसीहा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अब उनके बीच नहीं है, पर उनका मार्गदर्शन व आशीर्वाद हमेशा ही उनका मार्ग प्रशस्त करता रहेगा। उन्होंने कहा कि होली लॉज के दरवाजे सदैव प्रदेशवासियों के लिए खुले हैं। इससे पूर्व प्रतिभा सिंह ने केक काटा और आने जाने वाले सभी लोगों को मिठाई भी खिलाई। कांग्रेस नेताओं ने आज पूरे प्रदेश में प्रतिभा सिंह के जन्मदिन की खुशी पर अस्पतालों में जाकर रोगियों को फल वितरित किए और कई जगहों पर पौधरोपण व रक्तदान शिविरों का भी आयोजन भी किया गया। होली लॉज में उनके पुत्र लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सभी लोगों की आवभगत की।
नेहरू युवा केंद्र चंबा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आज अमृतकाल के पंच प्रण पर आधारित जिला युवा उत्सव 2023 का आयोजन किया गया। इसका आयोजन राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेहला में किया गया। इस ज़िला उत्सव पर ज़िला के लगभग 200 युवा प्रतिभागियो ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी रमन वीर सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला युवा अधिकारी नेहरू युवा केंद्र विवेक कुमार ने प्रधानमंत्री के अमृतकाल के पंच प्रण पर आधारित जिला युवा उत्सव की जानकारी देते हुए बताया की इस कार्यक्रम में 5 प्रतियोगिता आयोजित की गईं, जिनमें कविता लेखन प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता, मोबाईल फोटोग्राफी प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता एवं सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में भरमौर ब्लॉक के रमनिश कपूर ने प्रथम स्थान हासिल किया। रमनिश कपूर ने अपने भाषण में सबका मन मोह लिया। नेहरू युवा केंद्र चंबा द्वारा स्मृति चिन्ह व 5000 हजार इनामी राशि दी गई। रमनिश कपूर ने इसके पहले भी राष्ट्र और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का हुनर दिखा चुके हैं।
चंबा में युवक की नृशंस हत्या किए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन से आग्रह है कि हम सभी मनोहर के परिवार से मिलने दें। इससे पहले जयराम ठाकुर, राजीव बिंदल, राकेश पठानिया, बिक्रम सिंह जरयाल, हंसराज, डीएस ठाकुर बनीखेत पहुंचे। बनीखेत से चौहड़ा पहुंचे जहां जनसभा को संबोधित किया गया। चौहड़ा में प्रदेश सरकार मुर्दाबाद के नारे लगे। जयराम ने कहा कि हमारी लड़ाई किसी जात, धर्म या क्षेत्र के विरूद्ध नहीं है। हमारी लड़ाई 25 वर्षीय मासूम नौजवान की हत्या करने वालों के खिलाफ है। मनोहर हत्याकांड जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए भाजपा आंदोलन कर रही है। मनोहर को न्याय दिलवाने के लिए सड़कों पर उतरने वाले लोगों का भाजपा विधायक हंसराज ने आभार जताया। जयराम ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पीड़ित परिवार से मिलने के लिए हमसे पहले आना चाहिए था। सीएम या हमारे आने से मनोहर वापस नहीं आ सकता, लेकिन परिवार को शांति मिलती। बहुत सी घटनाए होती हैं जिन्हें कांग्रेस सरकारें हल्के में लेती हैं। गुड़िया केस को भी हल्के में लिया गया था। भाजपा ने गुड़िया मामले की जांच सीबीआई से करवाई और आज दोषी सलाखों के पीछे है। चंबा में हुए हत्याकांड की एनआईए जांच होने से देश में एक बहुत बड़ा संदेश जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने डलहौजी में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जो हादसा चंबा दस सलूणी में हुआ है, उससे हमारे दिल को ठेस पहुंची है। हम सब केवल मनोहर को न्याय दिलाने के लिए एकत्र हो रहे हैं। बिंदल ने कहा कि हमने प्रशासन से बहुत गुहार लगाई और तकरीबन 4 बार उनसे मिले। 1 घंटे इंतजार किया और श्री राम जय जय राम का पाठ भी किया, पर हमें पीड़ित परिवार के पास जाने की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी। हमने प्रशासन को कहा कि अगर मुख्यमंत्री सुक्खू इस परिवार के पास चले गए होते तो हमें लगता कि प्रदेश का कोई बड़ा व्यक्ति गया है, पर प्रशासन ने हमें जाने नहीं दिया, इसलिए भाजपा ने तय किया है कि हम कल 17 जून को प्रदेश के सभी 12 जिला मुख्यालों पर एक धरने-प्रदर्शन का आयोजन करेंगे और डिप्टी कमिश्नर के माध्यम से राज्यपाल को इस जघन्य हत्याकांड को लेकर एक ज्ञापन भी भेजेंगे। उन्होंने कहा हिमाचल में हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं कि एक अकेला युवक जिसके माता-पिता है, बहनों की शादी हो गई है उसकी जघन्य हत्या की गई और शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर नाले में डाल दिए गए। इस प्रकार के अपराध को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा हमारा प्रदेश देवभूमि है जा हर गांव गांव में खंड खंड में देवी देवता का वास है। वीर भूमि है यहां के वीर सपूत देश की रक्षा करते हैं और देश के लिए बलिदान देना अपना गौरव मानते हैं, पर हमारे प्रदेश में इस प्रकार का हत्याकांड जिसने हमारी आत्मा को झकझोर कर रख दिया है इससे पूरा देश और प्रदेश स्तब्ध है। जिस प्रकार से अपराधी ने यह अपराध किया है हम कल्पना भी नहीं कर सकते, यह घटना नहीं सदारण है और जिस व्यक्ति ने अपराध किया है वह भी साधारण नहीं हो सकता। अगर देखा जाए तो यह एक हैबियुअल क्रिमिनल का काम है, हमारा प्रदेश एक शांतिप्रिय प्रदेश है पर इस घटना के पीछे क्या पक रहा है वह जनता जानना चाहती हैं ? कहीं गहरे राज इसे बेनकाब हो सकते हैं, क्रॉस बॉर्डर क्या पक रहा है उसका भी अंदाजा हमें इन खुलासों से हो सकता है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश में सरकारी कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ाने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रोपड़ से सहयोग मांगा है। शिमला में गुरुवार देर सायं आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा और आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सरकारी कार्यप्रणाली में अधिक से अधिक दक्षता लाने तथा लोगों को लाभ प्रदान करने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) और अन्य आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनसे राज्य में सेमीकंडक्टर उद्योग स्थापित करने के बारे में भी सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पालमपुर को आईटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में सक्रियता से कार्य कर रही है। इससे राज्य में प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में प्रधान सलाहकार (सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार) गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा और सचिव सूचना प्रौद्योगिकी डॉ. अभिषेक जैन भी उपस्थित थे।
सोलन-सिरमौर के मोबाइल यातायात मजिस्ट्रेट युद्धवीर सिंह ने वीरवार को संगड़ाह गाड़ियों की चेकिंग कर वाहन चालकों पर शिकंजा कसा। उन्होंने यातायात नियमों (एमबीएक्ट) का उल्लंघन करने वाले 45 वाहनों के चालान काटे। दो घंटे की चेकिंग के दौरान मजिस्ट्रेट ने गाड़ियों में लगे प्रेशर होरन हूटर एवं अन्य खामियों का निरीक्षण कर गाड़ियों में लगे प्रेशर होरन हूटर एवं लाइटों पर लगाई गई रंगीन फिल्मों को उतरवाया दिया। मजिस्ट्रेट की इस कार्रवाही से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। वाहन चालकों में इतना खौफ था कि चलाना की सूचना मिलते ही अधिकतर वाहन चालकों ने सांगड़ाह पहुंचने से पहले ही मार्ग में अपने वाहन खड़े कर दिए। इसके बाद संगड़ाह से जब मजिस्ट्रेट दादाहु की ओर रवाना हुए तो रास्ते में जाते हुए उन्होंने 8 अन्य वाहनों के चालान कर वाहन चालकों से करीब 53 हजार का जुर्माना वसूला। उन्होंने जिन वाहनों के चलान काटे उनमें निजी बसों के अलावा हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसे, बड़े ट्रक टिप्पर, व अन्य सभी छोटे बड़े वाहन शामिल थे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल आज सोलन के प्रवास पर आ रहे हैं। डाॅ. शांडिल दिन में 2.30 बजे नगर निगम सोलन के आयुक्त के कार्यालय में राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला के संबंध में नगर निगम सोलन के सभी पार्षदों के साथ बैठक करेंगे।
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला के विकास में सबकी भागीदारी तय बनाई जा रही है। हमारी सभी योजनाएं और प्रयास हर वर्ग, हर व्यक्ति के कल्याण को समर्पित हैं। शर्मा बुधवार को धर्मशाला के सिद्धबाड़ी में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। शर्मा ने कहा कि धर्मशाला के सिद्धबाड़ी में 130 करोड़ रुपये का अंतरराष्ट्रीय स्तर का कन्वेंशन सेंटर बनेगा, जो कांगड़ा जिले के साथ-साथ संपूर्ण प्रदेश के लिए लाभकारी होगा। कॉंफ्रेेंस सिटी के तौर पर उभर रहे धर्मशाला में इस प्रकार का कन्वेंशन सेंटर नितांत जरूरी है, जहां राज्य के साथ साथ राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के महत्वपूर्ण सम्मेलनों, बैठकों तथा अन्य आयोजनों के लिए उपयुक्त सेमिनार हॉल, बैठक कक्ष तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों के साथ के साथ साथ वाहन पार्किंग की बड़ी सुविधा हो। बहुत जल्द इसका कार्यालय आरंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला के नरघोटा में टूरिज्म विलेज के विकास को लेकर काम किया जा रहा। वहीं सकोह में आइस स्केटिंग तथा रोलर स्केटिंग रिंक के निर्माण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। यह सब प्रयास क्षेत्र में पर्यटन को नया आयाम देने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। सुधीर शर्मा ने बताया कि ढगवार मिल्क प्लांट का 250 करोड़ रु़पए से कायाकल्प किया जाएगा। यह मिल्क प्लांट नई तकनीक से बनेगा। इससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने साथ साथ रोजगार का भी सृजन होगा। इस दौरान एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला सोलन (कन्या) में वीरवार को जी-20 के तहत जनभागीदारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस आयोजन में स्कूल की केंद्र अध्यक्ष सरिता शर्मा, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान सोलन की प्रवक्ता गीतांजलि कश्यप, प्रवक्ता तुलिका जसवाल, BRCC सोलन मोहन दत्त शर्मा सहित विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षाविद् एवं प्रथम से जिला समन्वयक रीता एवं कम्युनिटी इंस्ट्रक्टर मोबिलाईजर विनोद कुमार उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक अभिभावकों ने भाग लिया। जी-20 जनभागीदारी के संदर्भ में स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया और अभिभावको द्वारा बढ़-चढ़कर भाग लिया गया I केंद्र अध्यक्ष सरिता शर्मा द्वारा इस कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आज स्कूल स्तर पर माताओं, अभिभावकों, समुदाय और बच्चों की एक रैली निकाली गई व एक सामूहिक नृत्य के माध्यम से बच्चों ने प्लास्टिक का उपयोग न करने का एक संदेश दिया। साथ ही आपदा प्रबंधन के बारे एक लघु नाटिका द्वारा बच्चों को आत्मसुरक्षा की जानकारी दी गई। PPT, VIDEOS और निपुण मेले के माध्यम से बच्चों की सीखने में उपलब्धियों और चुनौतियों के साथ-साथ निपुण लक्ष्यों पर भी चर्चा की गई। इसके अलावा DIET से आए प्रशिक्षुओं के सहयोग से प्रीप्राईमरी के बच्चों के रिपोर्ट कार्ड भरे गएव शारीरिक, बौद्धिक, भाषा , सामाजिक एवम भावात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए माताओं के सामने उनके बच्चों का बेसलाइन किया गया I इसके साथ ही जिला समन्वयक रीता व विनोद ने अभिभावकों को प्री प्राईमरी व निपुण भारत प्रोग्राम से अवगत करवाया व साथ ही बच्चों के साथ सर्वांगीण विकास से संबंधित कई रोचक गतिविधियों का संचालन किया, जिन्हें अभिभावक भी घर पर अपने बच्चों के साथ कर सकते हैं। स्कूल के शिक्षक घनश्याम शर्मा ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास से संबंधित कई गतिविधियां की जानी चाहिए, ताकि बच्चों के शिक्षा स्तर में सुधार हो सके।स्कूल स्तर पर समय-समय पर इस तरह की गतिविधियां नितांत आवश्यक हैं।
हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा नेताओं को आड़े हाथों लिया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, यह बात 6 माह बाद भी भाजपा के नेता हजम नहीं कर पा रहे हैं। मुकेश ने कहा कि लगातार भाजपा के नेताओं को बुरी तरह पराजय का सामना करना पड़ रहा है। आगे आने वाले चुनावों में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा, बावजूद इसके जमीन पर पैर भाजपा के नेता रख नहीं पा रहे हैं, हवाई बातें कर रहे हैं। अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल को आर्थिक मोर्चे पर मजबूत बनाएंगे, न विकास रुकेगा,न वेतन रुकेगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के कल्याण के लिए नीतियां भी बनेगी। उन्होंने कहा कि बजट में ही हिमाचल प्रदेश की सरकार ने अपना विजन स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी गारंटी ओपीएस को पूरा कर दिया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा के नेता तो 6 महीने में ही उछल कूद करने लग पड़े हैं । उन्होंने कहा कि अभी तो 5 वर्ष का समय पड़ा है, सब्र करें ।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह भाजपा के वह नेता हैं जिनके खाने के और दिखाने के दांत अलग-अलग हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में जाकर हिमाचल का विकास रोकने, आर्थिक मदद रोकने का षड्यंत्र करते हैं और हिमाचल में अपने आपको हिमाचल का हमदर्द बनाने की बात करते हैं । उन्होंने कहा कि जनता इनकी असलियत जान गई है, मुकेश ने कहा कि हिमाचल के हित की एक भी भाजपा के नेता आवाज उठा नहीं पाए हैं। उन्होंने कहा कि विकास का विरोध करते हैं, वाटर सेस का विरोध करते है जहां से प्रदेश को आमदर होगी ।हिमाचल की नीतियों का विरोध करते हैं ।उन्होंने कहा कि भाजपा के विरोध का कोई फर्क प्रदेश की सरकार को नहीं पड़ता है। प्रदेश की सरकार मजबूत है। कानून व्यवस्था पुख्ता, कानून करेगा अपना काम प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कानून व्यवस्था प्रदेश में पुख्ता रहेगी। पुलिस को फ्री हैंड है। उन्होंने कहा कि चाहे माफिया हो,चाहे आरोपी हो किसी भी हालत में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा, कोई किसी प्रकार का दबाव नहीं होगा। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सौहार्द कायम रहे ,शांति बनी रहे ,देवभूमि का सम्मान बना रहे ,इसके लिए सब मिलकर के काम करें। उन्होंने कहा कि जो भी घटनाएं हुई हैं उनकी कड़ी निंदा है। हम हर घटना पर नजर बनाए हुए हैं और पुलिस पूरी तरह से कार्रवाई निष्पक्षता से कर रही है, हर वर्ग को इसका विश्वास दिलाते हैं कि निष्पक्षता से कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चंबा जिला के सलूणी में हुई घटना के दृष्टिगत कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा के लिए सभी ज़िलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सम्बंधित जिलों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सचिव गृह भरत खेड़ा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल और अभिषेक त्रिवेदी, आईजी संतोष पटियाल, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।
मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने कहा कि सोलन के अर्की उपमण्डल के बाड़ीधार को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। मुख्य संसदीय सचिव आज सोलन के अर्की विधानसभा क्षेत्र के बाड़ीधार मेले के समापन समारोह को बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रहे थे। मुख्य संसदीय सचिव ने इससे पूर्व मंदिर में शीश नवाया तथा बाडेश्वर महादेव मंदिर में सभी के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। संजय अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है और धार्मिक आस्था एवं समृद्ध संस्कृति का परिचायक है। उन्होंने कहा कि इस समूचे क्षेत्र को पांडव काल से जुड़ा माना जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह समूचा क्षेत्र नयनाभिराम दृश्यावली के लिए विख्यात है। उन्होंने कहा कि यहां पर्यटन विकास की अपार सम्भावनाएं हैं। प्रदेश सरकार बाड़ीधार क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करेगी। इसके लिए वृहद योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि सवावा-बाड़ीधार को रज्जू मार्ग से जोड़ने का मामला विधायक प्राथमिकता में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पीपलू घाट सरयांज सड़क तथा पंबड़ सड़क का सुधारीकरण किया जाएगा। इससे पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय निवासियों को लाभ होगा। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर सभी को मेले की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाड़ीधार में प्राचीन बाड़ेश्वर महादेव के परिसर में आयोजित होने वाला यह मेला प्रदेश के प्राचीन मेलों में से एक है और कालान्तर से यह मेला इस क्षेत्र के लोगों के लिए धार्मिक आस्था, मनोरंजन व आकर्षण का केन्द्र रहा है। उन्होंने कहा कि मेले के आयोजन से जहां राज्य की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिलती है, वहीं इनके आयोजन से लोगों में आपसी भाईचारा, पारम्परिक सहयोग की भावना उत्पन्न होने से राष्ट्र की एकता और अखण्डता को बल मिलता है। उन्होंने कहा कि मेले को आकर्षक बनाने के साथ-साथ इसकी प्राचीन गरिमा को भी बनाए रखा जाना चाहिए।
प्रदेश सरकार राज्य के अनछुए स्थलों को बढ़ावा देकर पर्यटकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से नई पर्यटन नीति तैयार करने पर गहन विचार कर रही है। यह बात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पर्यटन विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में आगामी पांच वर्षों में पर्यटकों की संख्या को 3 करोड़ से बढ़ाकर 5 करोड़ करने के दृष्टिगत कार्य कर रही है। प्रकृति ने प्रदेश को आपार सौंदर्य से नवाजा है तथा इस सम्पदा का दोहन कर अधिक से अधिक पर्यटकों को प्रदेश की ओर आकर्षित करने की आवश्यकता है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मई, 2023 तक हिमाचल प्रदेश में लगभग 72 लाख पर्यटकों ने भ्रमण किया है। उन्होंने पर्यटकों की संख्या का सटीक आंकड़ा पता लगाने तथा पर्यटन अधोसंरचना में सुधार करने के लिए पर्यटन विभाग को डॉटा संकलन की प्रणाली तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिकी को सुदृढ़ करने में पर्यटन क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। राज्य सरकार ने पर्यटन सम्बंधी परियोजनाओं के विकास के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की है। मुख्यमंत्री ने पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए पर्यटन विभाग में विपणन प्रयासों तथा स्टाफ को व्यवस्थित करने की महत्ता पर भी बल दिया। ज़िला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने से सम्बंधित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने विभाग को आगामी विचार के लिए अवधारणा पत्र तैयार करने के निर्देश दिए। इन परियोजनाओं में सकोह में रोलर स्केटिंग रिंक, परागपुर में गोल्फ कोर्स, मैंझा में शीर्ष रिजॉर्ट, नरघोटा में पर्यटन गांव तथा कांगड़ा में प्रस्तावित ऐरो सिटी शामिल है। इसके अतिरिक्त जिला कांगड़ा के नगरोटा-बगवां विधानसभा क्षेत्र में नौरा खड्ड में थीम आधारित सेटेलाइट गांव बनाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार अधिक संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए राज्य में हवाई यात्रा सुविधा में सुधार के सतत प्रयास कर रही है। इसके तहत सरकार कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार, जिला मण्डी के नागचला में ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे के निर्माण तथा प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर नए हेलीपोर्ट निर्माण पर कार्य कर रही है। पहले चरण में 9 हेलीपोर्ट निर्मित किए जा रहे है, जिनमें ज़िला हमीरपुर में जसकोट, जिला कांगड़ा के रक्कड़ व पालमपुर, जिला चम्बा के सुल्तानपुर, जिला कुल्लू के मनाली, जिला लाहौल-स्पिति के जिस्पा, सिसू व रांगरिक तथा जिला किन्नौर के शारबो में हेलीपोर्ट निर्माण शामिल हैं। शेष 7 हेलीपोर्ट का निर्माण दूसरे चरण के तहत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हाल ही में चम्बा जिला के सलूणाी क्षेत्र में युवक की हत्या की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है तथा लोगों से प्रदेश में एकता तथा सौहार्द बनाए रखने और इस घटना को राजनीतिक या सांप्रदायिक रंग न देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ है तथा सरकार पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी समुदायों की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार मामले के हर पहलू पर नज़र रखे हुए है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने तथा इस मामले में की जा रही जांच में सहयोग देने का आग्रह किया है।
शूलिनी विश्वविद्यालय को लगातार दूसरे साल ग्रेट प्लेस टू वर्क के तौर पर प्रमाणित किया गया है। यह प्रतिष्ठित मान्यता एक सकारात्मक और संपन्न कार्य वातावरण को बढ़ावा देने के लिए विश्वविद्यालय के दृढ़ समर्पण को दर्शाती है। "ग्रेट प्लेस टू वर्क" के रूप में प्रमाणन अपने कर्मचारियों के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर और उनकी भलाई और संतुष्टि को प्राथमिकता देकर अपने कर्मचारियों के इनपुट और प्रतिक्रिया को महत्व देने के लिए शूलिनी विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, विश्वविद्यालय एक सहायक और आकर्षक प्रदान करने के लिए अपने दृढ़ समर्पण का उदाहरण देता है। शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रोफेसर पीके खोसला ने शूलिनी विश्वविद्यालय के सभी सदस्यों को इस योग्य सम्मान में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए बधाई दी। उन्होंने आगे कहा, "सर्वेक्षण में हमारे कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी इस उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल करने में अमूल्य रही है।" प्रो. चांसलर विशाल आनंद ने भी सभी फैकल्टी मेंबर्स और स्टाफ को मान्यता के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम एचआर संजीव कुमार निदेशक मानव संसाधन, कौशल्या अनुभाग अधिकारी, और टायटियाना , जिन्होंने ग्रेट प्लेस टू वर्क प्रमाणन हासिल करने में विश्वविद्यालय की सफलता में योगदान दिया है। सर्वेक्षण और संस्कृति ऑडिट प्रक्रिया के संचालन में उनके परिश्रम की विशेष सराहना की वाइस चांसलर प्रोफेसर अतुल खोसला ने कहा, "हमें लगातार दूसरी बार ग्रेट प्लेस टू वर्क के रूप में इस प्रतिष्ठित मान्यता को प्राप्त करने पर बेहद गर्व है। यह उपलब्धि एक ऐसा वातावरण बनाने की हमारी अटूट प्रतिबद्धता को उजागर करती है जहां हमारे विश्वविद्यालय समुदाय का प्रत्येक सदस्य फल-फूल सकता है और हम अपने कर्मचारियों के अमूल्य योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं, और हम उत्कृष्टता और कर्मचारी कल्याण के अपने प्रयास में दृढ़ बने हुए हैं।" शूलिनी यूनिवर्सिटी इस उपलब्धि को आगे बढ़ाने और एक सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए एक अग्रणी संस्थान के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे कर्मचारियों के निरंतर समर्थन और समर्पण के साथ, हमें विश्वास है कि शूलिनी विश्वविद्यालय काम करने के लिए एक महान स्थान बना रहेगा,संजीव निदेशक एचआर शूलिनी विश्वविद्यालय ने कहा।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए विभिन्न बैंकिंग सेवाओं के डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आधुनिक तकनीक का उपयोग कर ग्राहकों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए बैंकों को डिजिटल तकनीक से लैस किया जा रहा है। सहकारी बैंकों की कार्य पद्धति को विस्तार देने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार द्वारा अगले छह माह में कई बड़े सुधार लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों का इन बैंकों पर विश्वास बढ़ा है और आजीविका अर्जन के लिए बैंकिंग सुविधाओं का समुचित उपयोग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सहकारी बैंकों को हरसंभव सहायता प्रदान कर उन्हें सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि वे उपभोक्ताओं को सर्वोत्तम बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करवा सकें। बैंकिंग क्षेत्र किसी भी देश की अर्थव्यवस्था के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह क्षेत्र आमजन, किसानों, उद्यमियों, व्यापारियों इत्यादि को बैंकिंग की विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाता है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों का विकास निरंतर जारी रहता है। सूचना प्रौद्योगिकी के इस युग में इन सेवाओं के नवोन्मेषी डिजिटल रूपांतरणरण से बड़ी संख्या में विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं। प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण तथा ऑनलाइन बैंकिंग की सुगम सुविधा से लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। राज्य सरकार ने निर्धन परिवार के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण एक प्रतिशत ब्याज की दर से उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है, ताकि संसाधनों के अभाव में कोई भी शिक्षा से वंचित न रहे। इसके अलावा आने वाले समय में टैक्सी संचालकों को ई-टैक्सी चलाने के लिए परमिट जारी किए जाएंगे। सरकार ई-टैक्सी, ई-बस और ई-ट्रक की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान देगी। प्रदेश सरकार के इन प्रयासों को मूर्तरूप प्रदान करने में सहकारी बैंकों की प्रमुख भूमिका सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा राज्य सरकार 250 किलोवाट से 2 मेगावाट तक की सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना के लिए 40 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान करेगी और उत्पादित बिजली हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटेड द्वारा खरीदी जाएगी। बैंक इन योजनाओं में उदारतापूर्वक ऋण प्रदान करेंगे क्योंकि इन ऋणों की संप्रभु गारंटी राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य में सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना के लिए सहकारी बैंक को प्रमुख बैंक बनाने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त समाज के वंचित वर्गों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं को सही व्यक्ति तक पहुंचाने में भी सहकारी बैंक महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं। राज्य की लगभग 90 प्रतिशत आबादी गांवों में रहती है और ग्रामीण क्षेत्रों के चहुंमुखी विकास के बिना प्रदेश के विकास की कल्पना नहीं की जा सकती है। ग्रामीण आबादी की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए सहकारी बैंकों को किसानों को उदार ऋण प्रदान करने के लिए अग्रणीय कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।


















































