आज से भारतीय रेलवे के ट्रेनों के टाइम टेबल में बदलाव होने जा रहा है। इससे पहले टाइम टेबल 1 अक्टूबर को बदलने वाला था लेकिन किसी कारणवश इसे आगे बढ़ाकर 1 नवंबर कर दिया गया। अगले महीने की शुरुआत से ट्रेन का नया टाइम टेबल लागू किया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार इस बदलाव में 13 हजार पैसेंजर ट्रेन और 7 हजार मालगाड़ी शामिल किया गया है। इसके अलावा देश में चलने वाली करीब 30 राजधानी ट्रेनों का समय बदला जाएगा। वंही आज से त्योहार के सीजन को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। दरअसल दिवाली और छठ पूजा की वजह अपने घर जाने वाले लोगों की लंबी कतार को देखते हुए भारतीय रेलवे छठ और दिवाली पर स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है।
1 नवंबर से कई फोन में व्हाटसऐप काम करना बंद कर सकता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि 1 नवंबर 2021 से व्हाटसऐप केवल उन स्मार्टफोन्स पर काम करेगा जिसमें ऐंड्रोइड 4.1, iOS 10, KaiOS 2.5.0 पर काम करेंगे। व्हाट्सऐप पर दी गई जानकारी के मुताबिक अब 4.0.3 आइस क्रीम सैंडविच, iOS 9, और KaiOS 2.5.0 पर व्हाटसऐप सपोर्ट नहीं करेगा।
आज से बैंकिंग के नियमों में कई बदलाव होने वाला है। अब किसी भी खाताधारक को बैंक में पैसा जमा करने और निकालने पर चार्ज देना होगा। इस बदलाव की शुरुआत बैंक ऑफ बड़ौदा ने की है। BOB के अनुसार अगले नवंबर से निर्धारित लिमिट से ज्यादा बैंकिंग करने पर लोगों का अलग से शुल्क लगेगा। इसके अलावा 1 नवंबर से ग्राहकों को लोन खाते के लिए 150 रुपये चुकाने होंगे। नए नियम के अनुसार सेविंग अकाउंट में तीन बार पैसे डिपोजिट करना मुफ्त होगा लेकिन अगर अकाउंट होल्डर एक महीने के अंदर तीन बार से ज्यादा बार पैसे जमा करता है तो उसे 40 रुपये के चार्ज का भुगतान करना होगा। हालांकि यह नियम जनधन खाताधारकों पर अप्लाई नहीं किया जाएगा। उन्हें तीन बार से ज्यादा पैसे जमा करने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा, इसके बदले निकासी पर 100 रुपये देने होंगे।
पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फ़बारी के चलते मनाली-लेह मार्ग में यातायात सामान्य नहीं हो पाया है। सुबह के समय सड़क पर पाला जमने से वाहनों के फिसलने का खतरा है। ऐसे में बीआरओ और पुलिस प्रशासन ने लेह की तरफ जाने वाले वाहन चालकों से एहतियात बरतने की अपील की। मनाली-लेह मार्ग में दारचा से लेह तक फिलहाल वन वे ट्रैफिक के लिए खोला गया है। रविवार को लेह से मनाली की तरफ वाहनों को भेजा गया। शनिवार को दारचा से लेह की तरफ 76 वाहनों को छोड़ा जाएगा था। जिनमें 136 यात्री सरचू पार कर लेह पहुंचे थे। सड़क के दोनों ओर बर्फ होने के चलते इसे फिलहाल एकतरफा खोला गया है। दोनों तरफ से ट्रैफिक खोलने पर बर्फ के बीच मुश्किलें आ सकती हैं। हालांकि बर्फबारी के कारण कुंजुम दर्रा के पास एनएच-505 अभी भी अवरुद्ध है।
दीवाली पर्व पर मिठाई का विशेष महत्व रहता है। बाजारों में हलवाई की दुकानों पर काफी भीड़ रहती है। लेकिन वंही लोगों को अच्छी मिठाई मिल नहीं पाती इसी को देखते हुए मिल्कफेड विभाग ने बाजार में दिवाली के समय शुद्ध घी से बनी मिठाई बनाई है। इस साल मिल्क फेड विभाग 500 क्विंटल मिठाई बनाएगा। पिछले साल मिल्कफेड ने 400 क्विंटल मिठाई बनाई थी। वंही इस बार 100 क्विंटल ज्यादा मिठाई बनाने का फैसला लिया गया है। इस संबंध में मिल्कफेड विभाग के एमडी भूपेंद्र अत्री ने बताया कि मिल्कफेड विभाग प्रतिवर्ष दिवाली पर मिठाइयां बनाता है और बाजार में उतारता है। उन्होंने कहा कि इस साल 500 क्विंटल मिठाई बनाने का लक्ष्य है लोगों की मांग को देखते हुए इस बार 100 क्विंटल मिठाई अधिक बनाई जा रही है। लोगों को यह मिठाइयां आसानी से मिल सके इसके लिए सभी जिलों के बस अड्डे पर काउंटर रहेगा इसके अलावा विभिन्न जगह में भी काउंटर लगाया जाएगा उन्होंने कहा कि शिमला कांगड़ा और मंडी में विशेष गाड़ी में भी मिठाई भेजी जाएगी।
उत्तराखंड में आज बड़ा हादसा पेश आया है। यहां देहरादून के विकासनगर के पास बुल्हाड़ बायला रोड़ पर एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में अबतक 11 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में सवार सभी ग्रामीण एक ही गांव के बताए जा रहे है। चकराता के एसडीएम ने बताया है कि हादसे के बाद पुलिस और SDRF की टीमें रवाना हो गई हैं। फिलहाल रेस्क्यू का काम आसपास के ग्रामीण चला रहे हैं। पुलिस ने जानकारी दी है कि हादसे के पीछे ओवरलोडिंग एक वजह हो सकती है। बस छोटी थी, जिसमें 25 लोग सवार थे। कहा जा रहा है कि जिस रूट से ये बस निकल रही थी, वहां ज्यादा बस नहीं हैं, इसलिए इतनी बड़ी संख्या में लोग एक ही बस में सवार थे।
केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसान नेता राकेश ने आज एक बार फिर सरकार पर हमला बोला है। राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों के दरवाजे सरकार ने बन्द कर रखे हैं और जनता के दरवाजे भी सरकार ने बन्द कर रखे हैं, हमने कोई दरवाजे बंद नहीं किए। गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे टिकैत ने कहा कि दिवाली यहीं मनेगी, यहीं दिए जलेंगे। इस दौरान राकेश टिकैत ने सरकार पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया है। टिकैत ने कहा कि उत्तरप्रदेश में हिन्दू मुस्लिम करवाया, राजस्थान में जाट नॉन जाट करवाया, महाराष्ट्र में मराठा नॉन मराठा करवाया, हरियाणा में चौटाला परिवार तोड़ा, बिहार में लालू में परिवार को तुड़वाया, उत्तरप्रदेश में मुलायम सिंह यादव का परिवार तुड़वाया। अगर RSS का एक आदमी कहीं घुस जाता है तो परिवार को तोड़ देता है। उन्होंने कहा कि टीकरी में जो फैसला लिया गया उससे हम सहमत हैं। लेकिन यहां हमने तो रास्ते खोल दिए हैं यहाँ मीटिंग की कोई ज़रूरत नहीं है।
देश में दिन पर दिन महंगाई बढ़ती ही जा रही है। ईंधन के दामों ने आसमान छू लिया है। देश में आज लगातार 5वें दिन पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है। आज भी पेट्रोल और डीजल 35-35 पैसे महंगा हुआ है। दिल्ली में आज एक लीटर पेट्रोल का दाम 109.34 रुपए और एक लीटर डीजल का दाम 98.07 रुपए हो गया है। वहीं, देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 115.15 रुपए हैं। वहीं, एक लीटर डीजल 106.23 रुपए में मिल रहा है। वहीं, दक्षिण राज्य चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 106.04 रुपए हैं। एक लीटर डीजल 102.25 रुपए में मिल रहा है।
हिमाचल प्रदेश में त्योहारों में आतिशबाज़ी को लेकर समयसारिणी जारी कर दी गयी है। दीपावली नजदीक आने के साथ ही वायु और ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए सरकार ने निर्देश जारी कर दिए है। गुरु पर्व के दिन यानि 19 नवंबर को सुबह 4 से 5 और रात 9 से 10 बजे के बीच आतिशबाजी की जा सकेगी। क्रिसमस पर 25 दिसंबर की रात और नए साल पर 31 दिसंबर की रात 11:55 से 12:30 बजे के बीच ही पटाखे चलाए जा सकेंगे। इसके साथ ही निर्देश में ये भी किया गया है कि त्योहारों में केवल ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति होगी।
रोजाना बढ़ते डेंगू मामलों ने हरियाणा सरकार कि नींद उड़ा दी हैं, यदि यही हाल रहा तो प्रशासन को और भी मुस्तैदी के साथ समस्या से निपटना होगा। पिछले पांच साल के रिकॉर्ड टूटने कि भी आशंका जताई जा रही हैं। अभी तक प्रदेश में मरीजों की संख्या का आंकड़ा 5377 पार हो चुका है। इससे पहले 2015 में सबसे अधिक 9921 मरीज डेंगू के मिले थे। प्रदेश सरकार अलर्ट मोड पर है और नई फॉगिंग मशीनें खरीदने की तैयारी हो चुकी है। हरियाणा सरकार के तमाम दावों के बीच प्रदेश में डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। पिछले तीन दिनों में औसतन रोजाना 378 नए मरीजों के साथ 1136 मरीज मिल चुके हैं। सबसे अधिक प्रभावित जिलों में फतेहाबाद, पंचकूला, सोनीपत, सिरसा और नूंह हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग में अभी तक 25 और नई फॉगिंग मशीनें खरीदने की प्रक्रिया ही चल रही है।
देश में कोरोना केस में कमी आने के बाद धीरे-धीरे अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस अनलॉक के क्रम में दिल्ली के लोगों को भी राहत देने का फैसला आम आदमी पार्टी द्वारा लिया गया है। अब आम आदमी पार्टी दिल्ली में 1 नवंबर से कई तरह के बदलाव करने वाली है। दिल्ली में 1 नवंबर से जो सबसे बड़ा बदलाव होने वाला है उसमें स्कूल-कॉलजों का खुलना है। डीडीएमए के साथ बैठक में बनी सहमति के बाद दिल्ली में सोमवार से सभी स्कूल और कॉलेज खुल जाएंगे। हालांकि इस दौरान स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। शुक्रवार को सिनेमाघरों, थियेटर और मल्टीप्लेक्स को दोबारा पूरी क्षमता के साथ संचालन करने की अनुमति दे दी गई है। अनुमति के साथ यह कहा गया है कि सिनेमाघरों, थियेटर और मल्टीप्लेक्स के मालिक कोरोना के सख्त प्रोट्रोकॉल का पालन करवाने के लिए बाध्य होंगे। आपको बता दें कि कोरोना के कारण इन जगहों को लंबे समय तक बंद रहना पड़ा। हालांकि सरकार के आदेश के बाद इन्हें 50 फीसदी क्षमता के साथ खोला गया पर इससे इनके मालिकों को खर्च और भी बढ़ गया। इसके अलावा डीडीएमए के आदेश के अनुसार सभी अधिकृत साप्ताहिक बाजार दिल्ली में एक नवंबर से खुलेंगे। साप्ताहिक बाजार खुलने से आम लोगों को काफी राहत होगी। अब शादी समारोह में 200 लोगों को शामिल होने की अनुमति मिल गई है। इससे पहले इन कार्यक्रमों में कोरोना के कारण 100 लोग के शामिल होने की अनुमति थी।
ग्रामीण इलाकों में रोजगार का मुख्य साधन माने जाने वाली महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत काम करने वाले मजदूरों के लिए मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। क्योंकि एक रिपोर्ट के अनुसार मनरेगा योजना के खजाने में अब रुपये नहीं बचे हैं, जिससे 21 राज्यों में काम कर रहे मजदूरों के लिए रोजी रोटी की समस्या पैदा हो गई हैं। केंद्र की यह योजना वित्तीय वर्ष के आधे रास्ते में ही समाप्त हो गई है, जिससे कि अब मजदूरों को कम से कम एक महीने तक संकट का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि अनुपूरक बजटीय आवंटन अगले संसदीय सत्र मे किया जाएगा। इस बीच आर्थिक संकट के समय मजदूरी भुगतान में देरी करके श्रमिकों द्वारा जबरन श्रम कराए जाने की कोशिशों की हर तरफ निंदा हो रही है। केंद्र अब कई राज्यों पर जमीन पर काम के लिए जबरदस्ती मांग पैदा करने का आरोप लगा रहा है। मनरेगा एक मांग आधारित योजना है, जो किसी भी ग्रामीण परिवार को 100 दिनों के अकुशल काम की गारंटी देता है। पिछले साल के लॉकडाउन के दौरान, इस योजना को 1.11 लाख करोड़ रुपये का उच्चतम बजट दिया गया और रिकॉर्ड 11 करोड़ श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण जीवन रेखा प्रदान की गई। दिवाली के चार दिन बचे हैं और 64 हजारों श्रमिकों के भुगतान का 106 करोड़ रुपये बाकी है। अब देखना यह हैं कि केंद्र सरकार इस संधर्व में क्या सूचना जारी करती हैं।
जमानत मिलने के बावजूद भी आर्यन खान शुक्रवार को घर नहीं जा सके थे। दरअसल, कोर्ट का आदेश मिलने में देरी से रिहाई की औपचारिकताएं पूरी नहीं हो पाईं। अब आज यानि शनिवार को आर्यन की रिहाई होगी। आर्यन के वकीलों को हाईकोर्ट का आदेश तो मिल गया था, लेकिन रिहाई प्रक्रिया पूरी करने के लिए उसे जेल तक समय पर नहीं पहुंचाया जा सका था। इसलिए उसे शुक्रवार की रात भी जेल में गुजारनी पड़ी। वही आर्यन खान को जेल से रिहा कराने उनके पिता शाहरुख खान पहुंच चुके हैं। आर्यन की रिहाई के लिए शाहरुख खान का बॉडीगार्ड जेल के अंदर गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें आर्यन खान की बेल के कागज मिल चुके हैं। इससे पहले आर्यन खान को रिहा करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने आर्थर रोड जेल के बाहर लगी जमानत पेटी सुबह तड़के 5:30 बजे ही खोलकर जमानती आदेश निकाल लिए थे। आर्यन की जमानत के लिए कल रात में ही जमानती कागज की भौतिक प्रति पेटी के अंदर रखी गई थी। हाईकोर्ट ने आर्यन को एक लाख का निजी बांड भरने और पासपोर्ट सरेंडर करने का आदेश दिया है। जस्टिस एनडब्ल्यू सांब्रे ने फैसले के पांच पन्नों के प्रभावी अंश की प्रति पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद आर्यन के वकील आदेश की प्रति विशेष अदालत ले गए। सत्यापन के बाद विशेष अदालत से रिहाई का कागज साढ़े पांच बजे तक जारी नहीं किया जा सका। अभिनेत्री जूही चावला आर्यन की जमानतदार बनीं। उन्होंने अदालत में एक लाख रुपये का बांड भरा। बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा आर्यन खान को कुछ शर्तों पर जमानत दी गई है। केस में फंसा आर्यन खान अब मुंबई छोड़कर कहीं जा नहीं सकता है। इसके साथ ही उसे अपना पार्सपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया है। उसे हर शुक्रवार सुबह एनसीबी के सामने पेश होना होगा। साथ ही, आर्यन खान कोर्ट में चल रही कार्रवाई पर किसी भी तरह का कोई बयान नहीं दे सकता है।
कांग्रेस पार्टी से नाराज चल रहे कैप्टन अमरिंदर सिंह को मनाने का प्रयास अब सोनिया गांधी की तरफ से किया जा रहा है। 2022 के विधानसभा चुनाव सर पर है और ऐसे में नाराज कैप्टन अमरिंदर सिंह कि नई पार्टी कि वजह से कांग्रेस को पंजाब में काफी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, कैप्टन के पार्टी बनाने की घोषणा के साथ दिल्ली में कांग्रेस खेमे में भी खासी हलचल देखी जा रही है। कैप्टन ने 27 अक्टूबर को अपनी प्रेस कांफ्रेंस में अपने अगले सियासी कदम के बारे में साफ कर दिया था। अपने खिलाफ बगावत की चर्चा करते हुुए कैप्टन ने कहा था, जब पार्टी हाईकमान ने ही उन्हें बदलने का मन बना लिया तो बाकि तब तो बहाना था। दो बार मुख्यमंत्री और तीन बार प्रदेश प्रधान रहे 79 वर्षीय कैप्टन 27 अक्टूबर को ही अपनी पार्टी का गठन करने की तैयारी में थे, लेकिन अंतिम समय में इस योजना को बदल दिया गया। कैप्टन ने 28 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने की बात की थी। यह बैठक भी नहीं हो पाई है। बताया जाता है कि अमित शाह की व्यस्तता के कारण यह टल गई और दोनों नेताओं की मुलाकात जल्द होने की संभावना है। इस बीच कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी अब भी नहीं चाहती है कि कैप्टन किसी भी सूरत में पार्टी छोड़ें। क्योंकि, पार्टी को यह फीडबैक है कि इससे 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उसकी राह मुश्किल हो जाएगी। माना जा रहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के पार्टी छोड़ने से पंजाब का हिंदू वोटबैंक कांग्रेस से हिल जाएगा। कांग्रेस के पास फिलहाल हिंदू वोट बैंक को रोकने का कोई विकल्प नहीं है। वहीं, अगर कैप्टन अमरिंदर सिंह के रूप में भाजपा को बैठे-बिठाए एक बड़ा सिख चेहरा मिल जाएगा, जिसकी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। कैप्टन अमरिंदर सिंह जिस प्रकार से नवजोत सिंह सिद्धू से खिन्न है ऐसे में पार्टी को दोनों में से किसी एक को ही चुनना होगा, क्योंकि एक म्यान में दो तलवार नहीं रह सकती है। जिस प्रकार से सिद्धू ने कैप्टन के मुख्यमंत्री रहते हुए इंटरनेट मीडिया पर उनके खिलाफ अभियान छेड़ा था और कांग्रेस हाईकमान ने कभी भी इस पर कोई एतराज नहीं जताया, इसके बाद से ही सिद्धू और कैप्टन की लड़ाई राजनीति से ऊपर उठ कर निजी हो गई है।
बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में आर्यन खान और दो अन्य आरोपियों अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को जमानत तो दे दी है लेकिन वो अभी जेल से बाहर नहीं आए हैं। हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि आर्यन खान आज जेल से बाहर आ जाएंगे। हाईकोर्ट का फैसला खान और अन्य आरोपियों को हिरासत में लेने और बाद में 2 अक्टूबर को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद आया है। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद भी आर्यन खान और दो अन्य आरोपी अभी भी जेल में हैं क्योंकि उनकी कानूनी टीम उच्च न्यायालय के आदेश का इंतजार कर रही है। आर्यन खान के वकील सतीश मानेशिंदे ने कहा कि जल्द ही इंतजार खत्म होगा। आर्यन खान के वकील सतीश मानेशिंदे ने जानकारी दी है कि कानूनी टीम को आज शाम तक हाईकोर्ट से आदेश मिलने की उम्मीद है। उसके बाद, कानूनी टीम अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए विशेष एनडीपीएस कोर्ट में आदेश पेश करेगी। इसके अलावा, टीम आर्यन खान के लिए रिहाई के आदेश भी मांगेगी। इसके साथ ही वकील सतीश मानेशिंदे ने यह भी बताया कि उन्हें उम्मीद है कि आर्यन खान आज शाम तक ही जेल से बाहर आ जाएंगे। बता दें कि एनसीबी ने दो अक्टूबर को क्रूज पर कथित पार्टी से ड्रग्स बरामद करने के मामले में आर्यन खान, मॉडल मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट को हिरासत में लिया था. इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया था।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय केंद्रीय क्षेत्र के करोड़ों कर्मचारियों व श्रमिकों के लिए खुशखबरी लेकर आया है। मंत्रालय ने परिवर्तनीय महंगाई भत्ते की दर में संशोधन कर 1.5 करोड़ श्रमिकों और कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन को बढ़ा दिया है। महंगाई भत्ते में वृद्धि एक अक्टूबर से प्रभावी होगी, जिससे केंद्रीय क्षेत्र के कर्मचारियों और श्रमिकों के न्यूनतम वेतन में इजाफा होगा। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, 'ऐसे समय में जब देश कोविड-19 महामारी से जूझ रहा है, केंद्रीय क्षेत्र में विभिन्न अनुसूचित रोजगारों में लगे विभिन्न श्रेणी के श्रमिकों को एक बड़ी राहत देते हुए, श्रम और रोजगार मंत्रालय ने परिवर्तनीय महंगाई भत्ता की दर को अधिसूचित और संशोधित किया है। जो एक अक्तूबर 2021 से प्रभावी होगा।' वीडीए औद्योगिक श्रमिकों के लिए औसत उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के आधार पर संशोधित किया जाता है। यह मूल्य सूचकांक श्रम ब्यूरो द्वारा संकलित किया जाता है। वीडीए में इस संशोधन के लिए इस साल जनवरी से जून के महीनों के लिए औसत सीपीआई-आईडब्ल्यू का इस्तेमाल किया गया है। केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव ने बयान में कहा कि इससे देश भर में केंद्रीय क्षेत्र में विभिन्न अनुसूचित रोजगार में लगे लगभग 1.5 करोड़ श्रमिकों को लाभ होगा। ये श्रमिक निर्माण, सड़कों के रखरखाव, रनवे, भवन संचालन, स्वच्छता एवं सफाई, माल को लादने और उतारने आदि कामों में लगे हैं। उन्होंने कहा कि यह 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप है।
मोदी सरनेम मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आज यानी शुक्रवार को सूरत कोर्ट में पेशी है। अप्रैल 2019 में की गई विवादित टिप्पणी पर मानहानि मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एएन दवे ने उन्हें तलब किया है। इससे पहले राहुल गांधी 24 जून को कोर्ट में पेश हुए थे। इस दौरान दो गवाहों के बयान दर्ज किए गए गए थे। इससे पहले इस मामले में अक्तूबर 2019 में हुई सुनवाई के दौरान राहुल गंधी ने अदालत में अपना जुर्म स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। राहुल गांधी के वकील किरीट पानवाला का कहना है कि वह दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक कोर्ट में पेश हो सकते हैं।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी(एनडीए) ने अपने दरवाजे महिलाओं के लिए खोल दिए हैं। इस साल एनडीए की होने वाली परीक्षा में महिला उम्मीदवार भी भाग ले सकती हैं। इस ऐतिहासिक कदम पर सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा कि एनडीए में महिलाओं के प्रवेश के साथ यह उम्मीद की जाती है कि हम नियमों के अनुसार और पेशेवर तरीके से उनका स्वागत करें। उन्होंने कहा कि, कुछ सालों बाद ऐसा मौका आएगा, जब हम सेना में महिलाओं को अपने बराबर के पदों पर खड़ा देखेंगे। एनडीए के 141वीं पासिंग आउट परेड की समीक्षा के दौरान उन्होंने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि 42 साल पहले मैं भी वहीं खड़ा था, जहां इस समय आप हैं। तब मैं सोच भी नहीं सकता था कि एक दिन मैं इस परेड की समीक्षा करूंगा। यहां से सभी कैडेट्स अलग-अलग अकादमियों में जाएंगे। अलग-अलग वर्दी पहनेंगे, लेकिन हमें हमेशा याद रखना होगा कोई भी सैन्य बल न तो अकेले लड़ सकता है और नही युद्ध को जीत सकता है। गौरतलब है कि पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट ने रक्षा मंत्रालय ने बताया कि महिला उम्मीदवारों को अगले साल से एनडीए परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर आपत्ति जताते हुए आदेश दिया था कि महिलाओं के एनडीए में प्रवेश को एक और साल तक टाला नहीं जा सकता। उन्हें नवंबर से ही परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाए।
ईंधन की कीमतों में लगातार तीसरे दिन बढ़ोतरी हुई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार को 35 पैसे का इजाफा किया गया है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की नई कीमत बढ़कर 108 रुपये 64 पैसे हो गई है जबकि डीजल की कीमत अब 97 रुपये 37 पैसे हो गई है। मुंबई की बात करें तो यहां पर पेट्रोल के दाम बढ़कर अब 114 रुपये 47 पैसे और डीजल 105 रुपये 49 पैसे हो गए। कोलकाता में पेट्रोल का नया रेट अब 109 रुपये 2 पैसे हो चुका है जबकि डीजल 100 रुपये 49 पैसे का हो गया है। तो वहीं, चेन्नई में पेट्रोल अब 105 रुपये 43 पैसे और डीजल 101 रुपये 59 पैसे का मिलेगा। इससे एक दिन पहले गुरुवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 35 पैसे का इजाफा किया गया था। इसके बाद अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 108 रुपये 29 पैसे प्रति लीटर हो गया है, तो वहीं डीजल का दाम 97 रुपये 02 पैसे पर पहुंच गया है।
विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने के बाद तमाम पार्टियां अपने चुनावी अभियान में जोर शोर से जुट गयी है। इस बीच आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यूपी विजय के मिशन पर राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे। अमित शाह यहां बीजेपी सदस्यता अभियान को हरी झंडी दिखाएंगे और चुनाव को लेकर पार्टी के आला पदाधिकारियों के साथ मंथन करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह आज लखनऊ में प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में सम्भावित उम्मीदवारों को लेकर किये गए आंतरिक सर्वे पर भी चर्चा होगी, जिसके आधार पर आगे उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जाएगा। अमित शाह के सामने एक बार फिर यूपी में बीजेपी की जीत का रोडमैप बनाने की बहुत बड़ी चुनौती है। ये काम उन्होंने शुरू कर दिया है। अपने पिछले दौरे में शाह ने मिर्ज़ापुर में विंध्याचल कॉरिडोर का शिलान्यास किया था। इस बार के दौरे में उन्हें यूपी विजय की नींव रखनी है। पांच सालों में यूपी में हालत बहुत बदल चुके हैं। चुनावी राजनीति के खेल और उसके नियम भी बदले है। पिछली बार अखिलेश सरकार के खिलाफ लोगों ने बीजेपी को झोली भर कर वोट दिए थे। इस बार बीजेपी को अपने काम के नाम पर वोट मांगना है।
किसान आंदोलन को 11 महीने से ज्यादा का समय हो चुका है। 11 महीने बाद टीकरी बॉर्डर और गाजीपुर बॉर्डर से पुलिस ने बैरिकेडिंग हटानी शुरू कर दी है। इन दोनों ही बॉर्डर का एक तरफ का रास्ता खोलने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान ये बात सामने आई थी कि रास्ता बंद होने की वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके बाद किसानों ने कहा था कि रास्ता उन्होंने बन्द नहीं किया है, दिल्ली पुलिस ने किया है। फिलहाल जब तक पुलिस और किसानों के बीच पूरी तरह से समझौता नहीं हो जाता तब तक रास्ता बंद ही रहेगा।
कल बॉम्बे हाई कोर्ट ने आर्यन खान, मॉडल मुनमुन धमेचा और अरबाज मर्चेंट को ड्रग्स केस में जमानत दे दी है। आर्यन इस समय मुंबई की ऑर्थर रोड जेल में बंद थे। इन तीनो को दो अक्टूबर को एनसीबी की टीम ने क्रूज से हिरासत में लिया था। जेल प्रशासन के मुताबिक, सलाखों के पीछे बंद आर्यन खान को शाम 6 बजे खाना देने के वक्त उनकी जमानत की जानकारी दे दी गई। जमानत की खबर सुनते ही आर्यन खान खिलखिला उठे और उन्होंने मुस्कुराकर जेल के कर्मचारी को 'थैंक्स' कहा। जानकारी यह भी मिल रही है कि करीब 21 दिनों तक जेल में रहने के बाद आर्यन खान की बैरक के कुछ कैदियों से जान पहचान हो गई है। आर्यन खान ने इन कैदियों के परिवारवालों को आर्थिक मदद देने का वादा किया है। साथ ही कैदियों के खिलाफ चल रहे मामलों में भी मदद करने को कहा है।
सरकार ने फेसबुक को पत्र लिखकर सोशल मीडिया कंपनी द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एल्गोरिदम और प्रक्रियाओं का विवरण मांगा है। यह कदम महत्व रखता है क्योंकि हाल ही में सामने आए फेसबुक के आंतरिक दस्तावेज बताते हैं कि कंपनी अपने सबसे बड़े बाजार भारत में भ्रामक सूचना, नफरत वाले भाषण और हिंसा पर जश्न से जुड़ी सामग्री की समस्या से दो-चार हो रही है। घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने फेसबुक को पत्र लिखकर कंपनी द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एल्गोरिदम और प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने फेसबुक से उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों का ब्योरा भी देने को कहा है। संपर्क करने पर फेसबुक ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इस साल की शुरुआत में भारत सरकार द्वारा उद्धृत आंकड़ों के अनुसार, देश में 53 करोड़ लोग व्हाट्सऐप का, 41 करोड़ फेसबुक का और 21 करोड़ लोग इंस्टाग्राम का इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां यह उल्लेख करना उचित होगा कि भारत ने इस साल की शुरुआत में नए आईटी मध्यस्थ नियम लागू किए, जिसका उद्देश्य ट्विटर और फेसबुक सहित बड़ी तकनीकी कंपनियों के लिए अधिक जवाबदेही लाना है।
अब देशभर में चल रहे सभी सरकारी स्कूलों में मिड डे मील योजना के तहत सामान्य चावल के बजाय फोर्टिफाइड चावल बच्चों के लिए परोसा जाएगा। केंद्र सरकार ने पर्याप्त स्टॉक होने के बाद बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन में फोर्टिफाइड चावल के उपयोग को हरी झंडी दिखा दी है, इसके साथ ही राज्यों को इसके उपयोग में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। इस साल स्वतंत्रता दिवस के भाषण में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि 2024 तक राशन की दुकानों और मध्याह्न भोजन और एकीकृत बाल विकास योजना के तहत केवल फोर्टिफाइड चावल वितरित किए जाएंगे, जिसमें बच्चों और स्तनपान कराने वाली माताओं को शामिल किया गया है। वंही, सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार पीएम पोषण और आईसीडीएस योजनाओं के तहत क्रमशः 1.05 और 6.36 एलएमटी फोर्टिफाइड चावल आवंटित किए गए हैं, लेकिन राज्यों द्वारा अब तक क्रमश: 0.57 एलएमटी और 2.09 एलएमटी ही लिया गया है। अक्टूबर-मार्च अवधि के लिए पीएम पोषण के तहत चावल का कुल आवंटन 13.9 एलएमटी है।
पड़ोसी राज्यों में किसानों द्वारा पराली जलाएं जाने से लगातार एनसीआर में हवा की गुणवत्ता बिगाड़ रही हैं। बीते 24 घंटे में दिल्ली की हवा में 36 अंकों की बढ़ोतरी के साथ औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 268 दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले यह 232 दर्ज किया गया था। वहीं, एनसीआर में गुरुग्राम को छोड़कर सभी शहरों की हवा भी खराब श्रेणी के उच्चतम स्तर में दर्ज की गई है। अगले 24 घंटे में हवा का स्तर बिगड़कर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया जा सकता है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु मानक संस्था सफर इंडिया के मुताबिक, बीते एक दिन में पड़ोसी राज्यों में 502 पराली जलने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इससे उत्पन्न होने वाले पीएम 2.5 तत्व की प्रदूषण में 19 फीसदी हिस्सेदारी दर्ज की गई है। हवा में पीएम 10 का स्तर 234 व पीएम 2.5 का स्तर 112 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। पीएम 10 का स्तर इन दिनों जहां औसत श्रेणी में बना हुआ है वहीं, पीएम 2.5 का स्तर खराब श्रेणी में दर्ज हो रहा है। सफर के अनुसार, पश्चिमी दिशा से आने वाली हवाओं के कारण पराली का धुआं दिल्ली-एनसीआर में पहुंच रहा है। अगले 24 घंटे में हवा का स्तर बिगड़कर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया जा सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, बृहस्पतिवार को फरीदाबाद का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 274, गाजियाबाद का 290, ग्रेटर नोएडा का 275, गुरुग्राम का 182 व नोएडा का 267 एक्यूआई रहा।
लएसी पर चीन से चल रहे तनाव के बीच भारत ने बुधवार को जमीन से जमीन पर मार करने वाली बैलेस्टिक मिसाइल, अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया। बेहद सटीक मार करने वाली इस मिसाइल की रेंज करीब 5000 किलोमीटर है। जब इस मिसाइल को लॉन्च करने की तैयारी चल रही थी उस वक्त रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह राजधानी दिल्ली में सेना के टॉप मिलिट्री कमांडर्स को संबोधित कर रहे थे। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, बुधवार की शाम करीब 7.50 पर ओडिसा के अब्दुल कलाम आईलैंड से अग्नि-5 का सफल परीक्षण किया गया। ये मिसाइल तीन-चरणों में सोलिड फ्यूल-इंजन इस्तेमाल करती है और 5000 किलोमीटर तक दूरी के टारेगट पर सटीक निशाना लगा सकती है।
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल अपने पिता एंव अपने जमाने के दिग्गज स्टार धर्मेंद्र और मां के साथ हिमाचल प्रदेश के मनाली पहंचे हैं। वे मनाली की हसीन वादियों का लुत्फ ले रहे हैं। देओल के परिवार का मनाली के साथ खास लगाव रहा है। सनी देओल मनाली की वादियों से इतना लगाव रखते हैं कि उन्होंने यहां आशियाना बनाने के लिए जमीन खरीदने का प्रयास किया। इसके लिए वे तत्कालीन राजस्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर से भी मिले, लेकिन किन्हीं कारणों से उनका सपना धरातल पर नहीं उतर पाया। लिहाजा अपनी मनाली में रहने की ख्वाहिश को पूरा करने को सनी देओल ने वामतट मार्ग पर सरसेई के पास एक कॉटेज किराये पर ले रखा है। वहीं धर्मेंद्र का भी मनाली से खास लगाव रहा है।
आर्यन खान को हाईकोर्ट से बुधवार को भी जमानत नहीं मिल पाई थी। वह 7 अक्टूबर से आर्थर रोड जेल में बंद हैं। क्रूज ड्रग्स केस में फंसे बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के बेटे आर्यन की जमानत याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट में आज दोपहर ढाई बजे फिर से सुनवाई होगी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की तरफ से ASG अनिल सिंह आज बॉम्बे हाईकोर्ट में पक्ष रखेंगे तथा आर्यन समेत तीनों आरोपियों की जमानत का विरोध करेंगे। सभी आरोपियों की दलीलें कोर्ट में रखी जा चुकी हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट में अरबाज मर्चेंट के वकील अमित देसाई ने अपनी दलील में कहा- गिरफ्तारी गैरकानूनी है। पहली रिमांड की अर्जी में साजिश की धारा नहीं थी, सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी हुई, तो साजिश की धारा क्यों लगाई ? 25 करोड़ रुपये की डील को लेकर सवाल-जवाब संभव है। आर्यन खान और अन्य को क्रूज से ड्रग्स पकड़े जाने के सिलसिले में 2 अक्टूबर को एनसीबी ने हिरासत में लिया था। बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में अब तक 20 लोगों को एनसीबी ने गिरफ्तार किया है। इनमें से दो को निचली अदालत से मंगलवार को जमानत मिल गई थी। इधर, आर्यन खान क्रूज ड्रग्स केस में गवाह केपी गोसावी को पुणे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। केपी गोसावी पिछले कई दिनों से फरार चल रहा था। केपी गोसावी की गिरफ्तारी महाराष्ट्र के पूणे से हुई है। गोसावी पर पुणे में धोखाधड़ी का केस भी दर्ज है। केपी गोसावी की गिरफ्तारी के बाद पुणे पुलिस ने कहा है कि गोसावी ने सरेंडर नहीं किया है। हमने अपने इंटेलीजेंट के आधार पर उसे गिरफ़्तार किया है।
किसान आंदोलन में तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों में तीन महिला आंदोलनकारी की डंपर से कुचले जाने से मौत हो गई। घटना बॉर्डर पड़ाव में झज्जर-बहादुरगढ़ रोड पर बाईपास के फ्लाईओवर के नीचे की है। इसके अलावा हादसे में दो महिलाएं घायल हुई हैं। सभी महिलाएं मानसा की निवासी थीं। गुरुवार सुबह करीब 6.15 बजे यहां कुछ महिलाएं और पुरुष स्थानीय रेलवे स्टेशन जाने के लिए ऑटो रिक्शा का इंतजार कर रहे थे। उन्हें पंजाब जाना था। महिलाएं डिवाइडर पर बैठी थीं कि तेज गति से आए डंपर ने उन्हें रौंद दिया। इनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। एक के पांव की हड्डी टूट गई है। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। शवों को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक जांच कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शव गृह पहुंचाया गया है। घटना के बाद चालक डंपर को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मृतक आंदोलनकारी किसान महिलाओं में छिंदर कौर पत्नी भान सिंह उम्र 60 साल, अमरजीत कौर पत्नी हरजीत सिंह उम्र 58 वर्ष, गुरमेल कौर पत्नी भोला सिंह उम्र करीब 60 वर्ष शामिल हैं। गुरमेल कौर पत्नी मेहर सिंह उम्र करीब 60 वर्ष और हरमीत कौर हादसे में घायल हो गई हैं। उन्हें बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल से पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है।
हिमाचल प्रदेश के 19 लाख राशनकार्ड उपभोक्ताओं को डिपुओं में नवंबर में तय रेट से 22 रुपये सस्ती दालें मिलेंगी। उपभोक्ताओं को चार में से तीन दालें दी जा रही हैं। इनमें दाल चना, मूंग, मलका और माश की दाल शामिल है। दालें प्रति किलो 22 रुपये तक सस्ती होंगी। प्रदेश सरकार केंद्रीय सरकारी एजेंसी नैफेड से दालों की खरीद करती है। बताया जा रहा है कि दालों के दाम गिरने से उपभोक्ताओं को सस्ती दालें मिलेंगी। प्रदेश सरकार की ओर से उपभोक्ताओं को तीन दालें, दो लीटर तेल, चीनी और नमक सब्सिडी पर उपलब्ध करा रही है। आटा और चावल केंद्र सरकार सब्सिडी पर प्रदेश को दे रही है। सरकार दालों की खरीद केंद्रीय सरकारी एंजेंसी नैफेड से खरीदती है।
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकियों ने सेना और पुलिस के जवानों पर गोलियां बरसाई। इसके बाद, सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी ढेर हो गया है। यह घटना बारामूला के चेरदारी इलाके में हुई है। मारे गए आतंकी की पहचान जावेद वानी के तौर पर हुई है। उसके पास से एक पिस्टल, एक लोडेड मैग्जीन और एक पाकिस्तानी ग्रेनेड बरामद किया गया है। कश्मीर पुलिस के आईजी ने कहा-मारे गए आतंकियों कि पहचान कुलगाम के जावेद वानी के रूप में हुई है। उसने 20 अक्टूबर को वनपोह में बिहार के दो मजदूरों की हत्या में आतंकी गुलजार की मदद की थी। पुलिस के मुताबिक, जावेद बारामूला में एक दुकानदार को निशाना बनाने के अपने मिशन पर था।
शिमला : प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले फिर बढ़ने लगे है। अब आईजीएमसी में 4 डॉक्टर के कोरोना पॉजटिव आने से हड़कम्प मच गया है। यह डॉक्टर ईएनटी व सर्जरी विभाग के बताए जा रहे है। जनाकारी के अनुसार मंगलवार को आईजीएमसी में चिकित्सको के सेंपल हुए थे जिसमे मंलवार रात को 4 डॉक्टरों की रिपोर्ट पॉजटिव आयी है जबकि 1 की रिपोर्ट आनी है। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों के पॉजटिव आने से मरीज़ो में भी डर बैठ गया है। आईजीएमसी के एमएस डॉ जनक राज ने मामले की पुस्टि करते हुए कहा कि लोग सावधानी बरतें नियमों का पालन करते रहे। गौरतलब है कि मंगलवार को प्रदेश में 79 विद्यार्थियों समेत 249 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें अधिकतर विद्यार्थी सरकारी स्कूलों के हैं। कांगड़ा जिले के स्कूलों में सबसे अधिक 59 विद्यार्थी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
कोरोना वायरस महामारी के कम होते मामलों के बीच केजरीवाल सरकार की तरफ से स्कूल खोलने को लेकर फैसला लिया गया है। दिल्ली में सभी कक्षाओं के स्कूल एक नवंबर से खुल जाएंगे, इसके साथ ही दिल्ली में छठ पूजा करने की भी अनुमति दे दी गई है। बुधवार को डीडीएमए की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सार्वजनिक रूप से छठ मनाई जा सकेगी, लेकिन सख्ती के साथ। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 1 नवंबर से सभी स्कूल खोले जा सकेंगे। सिसोदिया ने आगे कहा कि स्कूल खुलने पर किसी भी पेरेंट्स को अपने बच्चे को स्कूल भेजने के लिए बाध्य नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, पढ़ाई ब्लेंडेड मोड में होगी, यानी फिजिकल और ऑनलाइन दोनों साथ चल सकेंगे। उन्होंने आगे कहा कि 50 फ़ीसदी से ज्यादा बच्चों को एक बार में नहीं बुलाया जा सकेगा। स्कूल सुनिश्चित करेगा कि उसके सारे स्टाफ को वैक्सीन लग चुकी हो, 98% को पहली डोज़ लग चुकी हो। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस के 41 ताजा मामले दर्ज किए गए, हालांकि संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई। गनीमत है कि पिछले कई दिनों से कोविड-19 के कारण किसी की मौत का मामला सामने नहीं आ रहा है। अक्तूबर में अब तक मात्र चार लोगों की संक्रमण की वजह से मौत हुई है, जबकि पिछले महीने पांच लोग कोविड-19 की चपेट में आकर जान गंवा चुके थे।
बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नई पार्टी बनाने का एलान किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही नवजोत सिद्धू ने ट्वीट कर उन्हें भाजपा का वफादार सीएम करार दिया। इसके जवाब में कैप्टन ने कहा कि यह आदमी कुछ नहीं जानता। वह सिर्फ फालतू बात करता रहता है। चंडीगढ़ में बुधवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसी दौरान सिद्धू ने ट्वीट किया कि कांग्रेस के 78 विधायक कभी सोच भी नहीं सकते थे कि हमें क्या मिला। ईडी ने पंजाब के भाजपा के वफादार मुख्यमंत्री को नियंत्रित किया। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुद को बचाने के लिए पंजाब के हितों को बेच दिया। आप पंजाब के न्याय और विकास को रोकने वाली नकारात्मक शक्ति थे। इसके अलावा सिद्धू ने दूसरे ट्वीट में कहा कि आप मेरे लिए दरवाजे बंद करना चाहते थे, क्योंकि मैं लोगों की आवाज उठा रहा था, सच बोल रहा था। उन्होंने कहा कि पिछली बार जब कैप्टन ने अपनी पार्टी बनाई थी, तो वे हार गए थे। केवल 856 वोट हासिल कर पाए थे। पंजाब के लोग फिर से पंजाब के हितों से समझौता करने के लिए आपको दंड देने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वहीं पत्रकारवार्ता में सिद्धू के ट्वीट के बारे में सवाल पर कैप्टन ने कहा कि वह कुछ नहीं जानते। बहुत ज्यादा बोलते हैं, उसके पास दिमाग नहीं है। मैंने इस पर कभी अमित शाह या ढींढसा से बात नहीं की, लेकिन मैं करूंगा। मैं कांग्रेस, शिअद और आप से लड़ने के लिए मजबूत होना चाहता हूं। मैं उनसे बात करूंगा, हम इन्हें हराने के लिए संयुक्त मोर्चा बनाएंगे। कैप्टन ने कहा कि कल हम 25-30 लोगों को अपने साथ ले जा रहे हैं। हम कृषि कानूनों के मुद्दे पर गृह मंत्री से मिलेंगे। भाजपा का वफादार मुख्यमंत्री कहे जाने पर कैप्टन ने कहा कि मैं राज्य के मुद्दों पर चर्चा करने के लिए सभी केंद्रीय मंत्रियों से मिल रहा था। राज्य तब तक काम नहीं कर सकते जब तक वे केंद्र के साथ काम नहीं करते। लेकिन मुझे उम्मीद नहीं है नवजोत सिद्धू सुशासन के बारे में कुछ भी जानते हैं।
त्योहारी सीजन में सोने के दाम में आजकल गिरावट का दौर देखने को मिल रहा है। ये पीली धातु आज भी गिरावट के दायरे में देखी जा रही है। वहीं सिल्वर यानी चांदी की बात करें तो इसमें अच्छा खासा उछाल देखने को मिल रहा है। मौजूदा त्योहारी सीजन को देखें तो गोल्ड और सिल्वर दोनों के लिए ही अच्छी खरीदारी की उम्मीद जताई जा रही है। इसके चलते एक्सपर्ट भी मान रहे हैं कि सोने के दाम में आगे तेजी देखी जा सकती है। एमसीएक्स यानी मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का दिसंबर वायदा कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है। सोने में आज 49 रुपये या 0.10 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ 3 दिसंबर 2021 के वायदा पर ट्रेड हो रहा है। इसके चलते एमसीएक्स पर सोने के दाम 47,761 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए हैं। इसी बीच चांदी की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है और इसका भी 3 दिसंबर 2021 का वायदा हरे निशान में दिख रहा है। एमसीएक्स पर चांदी का दिसंबर वायदा 21 रुपये या 0.03 फीसदी की तेजी के साथ 65,035 पर कारोबार कर रहा है। बीते कल की बात करें तो एमसीएक्स पर सोना और चांदी दोनों ही गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे और इसमें गिरावट का रुख बना हुआ था। सोने में 48,147 रुपये प्रति ग्राम पर कारोबार हो रहा था। इसके अलावा चांदी को देखें तो 182 रुपये या 0.28 फीसदी की गिरावट के साथ 66,235 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।
पेगासस जासूसी कांड पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस कांड की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया है। तीन सदस्यीय इस समिति की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश आरवी.रवींद्रन करेंगे। वहीं, अन्य सदस्य आलोक जोशी और संदीप ओबेरॉय होंगे। आदेश के दौरान चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया एनवी रमना ने कहा कि हम कानून का शासन सुनिश्चित करना चाहते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस पर केंद्र द्वारा कोई विशेष खंडन नहीं किया गया, इस प्रकार हमारे पास याचिकाकर्ता की दलीलों को प्रथम दृष्टया स्वीकार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है, हम एक विशेषज्ञ समिति नियुक्त करते हैं, जिसका कार्य सर्वोच्च न्यायालय द्वारा देखा जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। मनाली की ऊंची चोटियों सहित लाहौल में कई स्थानों पर हल्का हिमपात हुआ है। मंगलवार रात को रोहतांग में 20 सेंटीमीटर, कोकसर में 10 सेंटीमीटर, नार्थ पोर्टल और सिस्सू में 8 सेंटीमीटर, गोंधला में 6 सेंटीमीटर, दारचा में 10 सेंटीमीटर, शिंकुला में 25 सेंटीमीटर, बारालाचा में 30 सेंटीमीटर, कुंजम में 20 सेंटीमीटर, धुंधी में 5 सेंटीमीटर ताजा बर्फबारी हुई है। बुधवार सुबह से ही हल्के बादल छाए हैं। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने पर्यटकों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। प्रशासन ने पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया है। हालांकि सुबह 11 बजे के बाद मौसम खुलने से घाटी के लोगों ने राहत की सांस ली है।
आम आदमी पहले से ही महंगाई की मार से बेहाल है। दिवाली का त्योहार आने वाला है और उस पर पेंट्स बनानी वाली कंपनियों ने पेंट्स के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। एशियन पेंट्स और बर्जर पेंट्स ने कीमतों में बढ़ोतरी का फैसला ले लिया है। 12 नवंबर से पेंट्स के दामों में 7 से 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी होने जा रही है। अब घर की रंगाई-पुताई भी महंगी होने जा रही है। माना जा रहा है कि पेंट्स कंपनियों द्वारा बढ़ाई गई कीमतें अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी में से एक है। माना जा रहा है कि दूसरी पेट्स कंपनियां भी जल्द ही दाम बढ़ाने का फैसला ले सकती है। एशियन पेंट्स ने एनामेल्स के दामों में 7 से 7 फीसदी की बढ़ोतरी की है। जबकि दबसरे सभी पेंट्स की कीमतों में 10 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि एशियन पेंट्स दिवाली के बाद कीमतों में बढ़ोतरी कर रही। 2008 के बाद से एक बार में पेंट्स के दामों में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। दरअसल पिछले एक साल में पेंट्स कंपनियों के लागत में जबरदस्त बढ़ोतरी हो गई थी। कच्चे तेल के दामों में बढ़ोतरी के साथ ही अन्य कच्चे माल के दामों में बढ़ोतरी के चलते इन कंपनियों की लागत बढ़ गई थी।
बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के बाद पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह एक नई पार्टी बनाने जा रहे हैं लेकिन उसका नाम अभी तक तय नहीं हो पाया है। उन्होंने ने कहा कि हमारे वकील चुनाव आयोग के साथ इस पर काम कर रहे हैं। जैसे ही नाम तय हो जाएगा वैसे ही बता दिया जायगा। पंजाब की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब को बहुत कुछ सहना पड़ा है। उन्होंने कहा, "मैंने एक सैनिक की तरह काम किया है और हमेशा योद्धा की तरह लड़ाई लड़ी है। पंजाब की सुरक्षा मेरे लिए काफी अहम है।" अमरिंदर सिंह ने आगे कहा, "मैं इस बात का पूरा हिसाब किताब दूंगा की कितना खर्च किया है।" उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस फर्स्ट क्लास फोर्स है। मार्च तक इस पर काम पूरा कर लिया जाएगा।
ऐतिहासिक प्राचीन गांव मलाणा में बीती रात भयंकर आगजनी से 16 मकान जलकर खाक हो गए है। बीती रात करीब 10:30 बजे गांव के एक मकान में अचानक आग लगी। इसके बाद एक के बाद डेढ दर्जन से ज़्यादा घरों को आग ने अपने आगोश में ले लिया। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घरों को बचाने के लिए कड़ी मशक्कत करते रहे। वंही गांव के लिए सड़क सुविधा न होने से कारण अग्निशमन विभाग के कर्मचारी घण्टों पैदल चलकर मलाणा गांव पहुँचे। फ़िहलाल आज आग पर काबू पाया गया है। इस आगजनी में करोड़ो रूपये का नुक्सान हुआ है। प्रशासन की तरफ से नुक्सान का आंकलन किया जा रहा है। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने घटना स्थल पर पहुँच कर नुक्सान का जायजा लिया। पंचायत प्रधान राजू राम ने कहा कि गांव में आगजनी से 20 परिवारों के 80 से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए है। उन्होंने कहा कि गांव में आगजनी से करीब डेढ दर्जन मकान जल कर राख हुए है। डीसी कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि मलाणा में आगजनी से दर्जनों लकड़ी के काष्ठकुणी शैली के 16 मकान जले है। राजस्व विभाग के अधिकारी नुक्सान का पूरी तरह से आंकलन कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवारों को फौरी राहत और हरसंभव मदद दीं जाएगी।
आठ साल पहले, 2013 में पटना के गांधी मैदान में पीएम मोदी की रैली में सीरियल ब्लास्ट हुए थे, इसी के चलते एनआईए की विशेष अदालत आज यानी बुधवार को फैसला सुनाएगी। इस धमाके में सात लोगों की जान चली गई थी और 90 लोग घायल हो गए थे। हालांकि इन धमाकों के बाबजूद रैली भी हुई और नरेंद्र मोदी ने इसे संबोधित भी किया था। इस मामले में इंडियन मुजाहिदीन के नौ संदिग्धों और स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के एक संदिग्ध को आरोपी बनाया गया था। आरोपियों की पहचान नुमान अंसारी, हैदर अली उर्फ ब्लैक ब्यूटी, मोहम्मद मुजीबुल्लाह अंसारी, उमर सिद्दीकी, अजहरुद्दीन कुरैशी, अहमद हुसैन, फकरुद्दीन, मोहम्मद इफ्तेखार आलम और एक नाबालिग के रूप में हुई थी। वहीं नाबालिग आरोपी को 12 अक्तूबर, 2017 को किशोर न्याय बोर्ड ने कई विस्फोटों में शामिल होने का दोषी पाए जाने के बाद तीन साल की सजा सुनाई थी। ये धमाके इंडियन मुजाहिद्दीन ने कराए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी एनआईए(NIA) को सौंपी गई थी। एनआईए ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। संभावना जताई जा रही है कि इस केस में सभी अभियुक्तों को दोषी ठहराया जा सकता है।बिहार पुलिस के मुताबिक रैली के दिन शहर में अलग-अलग जगह कुल 18 बम प्लांट किए गए थे। इनमें से पांच बम रेलवे स्टेशन परिसर में थे, जिसमें से एक फट था और एक को निष्क्रिय किया गया था। पुलिस को स्टेशन परिसर से तीन और बम भी मिले थे।
आर्यन खान ड्रग केस की जांच कर रहे NCB के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े पर करोड़ों की डील करने के आरोपों की आज इंटरनल जांच की जाएगी। जांच के लिए 5 लोगों की टीम आज सुबह 9 बजे मुंबई के लिए रवाना होगी। इस टीम के साथ विजिलेंस चीफ ज्ञानेश्वर सिंह भी होंगे। ये सभी अधिकारी NCB की विजिलेंस विंग के हैं। वहीं इस बीच, NCB ने केपी गोसावी के बॉडीगार्ड और इस मामले में स्वतंत्र चश्मदीद गवाह प्रभाकर सैल को भी समन जारी किया है। कहा जा रहा है कि टीम प्रभाकर सैल से भी पूछताछ करेगी। प्रभाकर को आज दोपहर 12 बजे NCB दफ्तर बुलाया गया है। मिली जानकारी के अनुसार कल प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वानखेड़े पर फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट लगाकर सरकारी नौकरी पाने के आरोप के बाद महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने सीएम उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। नवाब ने समीर वानखेडे के खिलाफ SIT जांच कराने की मांग की है। वहीं समीर वानखेड़े और एनसीबी के अन्य अधिकारियों के खिलाफ रिश्वत के आरोपों की जांच के लिए विजिलेंस की टीम आज जांच करेगी।
ड्रग्स केस में गिरफ्तार बॉलीबुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की जमानत याचिका पर आज दोपहर ढाई बजे बॉम्बे हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। करीब 24 दिनों से जेल में बंद आर्यन और अरबाज की जमानत को लेकर कोर्ट में कल बहस पूरी हो चुकी है। इस केस को पूर्व एटॉर्नी जनरल ऑफ इंडिया मुकुल रोहतगी लड़ रहे हैं। इसके बाद आज ढाई बजे जमानत अर्जी पर सुनवाई की जाएगी। मालूम हो कि पिछली सुनवाई के दौरान स्पेशल कोर्ट द्वारा आर्यन के जमानत की अपील को नामंजूर कर दिया था, जिसके बाद उन्होंने तुरंत सुनवाई के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था। मजिस्ट्रेट कोर्ट और सेशंस कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने के बाद आर्यन खान का पक्ष रखने के लिए भारत के पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी सामने आए थे। उन्होंने आर्यन की गिरफ्तारी को अवैध बताया और इस कार्रवाई पर एनसीबी को कठघरे में खड़ा किया। इसके अलावा पिछली सुनवाई के दौरान शाहरुख खान के फैंस भी कोर्ट के बाहर जमा हो गए थे और आर्यन खान के जमानत की मांग कर रहे थे। बता दें कि आर्यन खान को मुंबई से गोवा जा रहे क्रूज शिप पर होने वाली ड्रग्स पार्टी में शामिल होने के कारण 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। हालांकि मौके पर आर्यन के पास से कोई ड्रग्स नहीं मिले थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वर्चुअली होने वाले 16वें ईस्ट एशिया सम्मेलन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। ईस्ट एशिया सम्मेलन रणनीतिक वार्ता के लिए इंडो-पैसिफिक का प्रमुख मंच है जिसमें चीन, अमेरिका और रूस सहित कुल अठारह देशों के प्रमुख नेता सदस्य के तौर पर भाग लेते हैं। वहीं इस समिट में पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन, रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शामिल होंगे। पीएमओ के अनुसार 16वें इस्ट शिखर सम्मेलन शामिल होने वाले सभी प्रमुख नेता वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए आतंकवाद, कोविड -19 सहयोग, समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय हित और चिंता के मामलों पर चर्चा करेंगे। PMO ने कहा कि नेताओं से उम्मीद की जा रही है कि वो मेंटल हेल्थ, टूरिज्म के माध्यम से आर्थिक सुधार और ग्रीन रिकवरी पर घोषणाओं को स्वीकार करेंगे, जिन्हें भारत द्वारा सह-प्रायोजित किया जा रहा है। बता दें कि यह समिट हिंद-प्रशांत में व्यावहारिक सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए भी यह एक महत्वपूर्ण मंच है।
हिमाचल सरकार ने आगामी 1 नवंबर से 6 नवंबर तक स्कूल बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। मालूम हो कि 4 नवंबर को दिवाली है, जबकि 6 नवंबर को भैया दूज है। बता दें कि 7 नवंबर को रविवार पड़ने के चलते स्कूल 8 नवंबर को खुलेंगे। शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक हिमाचल के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूल बंद रहेंगे। गौरतलब है कि बीते एक महीने में 550 छात्र कोरोना से संक्रमित पाए हैं। जिसमें से 250 एक्टिव मामले हैं। 27 सितंबर से 25 अक्टूबर तक विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों के 556 छात्र संक्रमित पाए गए। सबसे अधिक 196 छात्र हमीरपुर जिले में संक्रमित पाए गए। वहीं, कांगड़ा में 173, ऊना में 104, मंडी में 26, शिमला में 22, किन्नौर में 14, कुल्लू में आठ, बिलासपुर में सात, सोलन में चार, चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में एक-एक छात्र संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, खास बात यह है कि सिरमौर जिले से एक भी छात्र कोरोना संक्रमित नहीं पाया गया है। वहीं, अगर कोरोना का ग्राफ निरंतर घटता चला गया तो आठ नवंबर से पांचवीं से सातवीं कक्षा के लिए भी स्कूल नियमित खुल सकते हैं। बता दें कि आगामी फैसले तक हिमाचल में 8वीं से 12वीं तक के छात्रों की नियमित कक्षाएं चलती रहेंगी।
अरुणाचल प्रदेश में पेट्रोलिंग के दौरान शहीद हुए मंडी के जोगिंदर नगर के भटवाड़ा गांव के नायक अमित कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव में मंगलवार सुबह पहुंचा। इस दौरान भारत माता की जय के नारे गूंजते रहे। सुहागिन के जोड़े में पत्नी ने शहीद पति को अश्रुपूर्ण विदाई दी। परिजनों की आंखों से भी आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। 23 अक्तूबर को पेट्रोलिंग के दौरान सड़क हादसे में नायक अमित कुमार की मौत हो गई थी। उन्हें शहीद का दर्जा दिया गया। हवाई मार्ग से दिल्ली तक जांबाज सैनिक की पार्थिव देह पहुंचाई गई और उसके उपरांत सेना के एक विशेष वाहन में शव मंगलवार को जोगिंद्र नगर के भटवाड़ा गांव पहुंचा। इस दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। बदेहड़ पंचायत के भटवाड़ा गांव से संबंध रखने वाले नायक अमित कुमार की नौ माह पहले ही शादी हुई थी और इस करवाचौथ में पत्नी ने अपने पति की दीर्घायु की कामना के लिए व्रत रखने की भी तैयारी थी। इसी दौरान पति की शहादत की खबर आ जाने से पूरा परिवार स्तब्ध है। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं बहन भी भाई की आकस्मिक मौत पर बेसुध हो चुकी है। मां-बाप के बुढ़ापे का सहारा छिन जाने से हर आंख नम है।
हिमाचल प्रदेश में पांच दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय भागों में 30 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, राजधानी शिमला में आज सुबह से धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए हुए हैं। उधर, केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.2, कल्पा में 1.4, मनाली 3.8, डलहौजी 9.3, शिमला 9.2, सुंदरनगर 9.1, भुंतर 7.2, हमीरपुर 10.6, धर्मशाला 10.0, नाहन 14.9, पालमपुर 9.0, सोलन 8.2, कांगड़ा 11.4, मंडी 11.3, बिलासपुर 13.0, चंबा 9.5, कुफरी 8.0, जुब्बड़हट्टी 11.4, पांवटा साहिब 17.0 और ऊना में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, सोमवार को पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 27.9 सुंदरनगर 27.2, ऊना-बिलासपुर में 27.0, मंडी में 26.1, कांगड़ा में 25.5, हमीरपुर में 24.8, सोलन में 24.0, भुंतर में 23.7, नाहन में 23.3, धर्मशाला में 22.4, शिमला में 18.4, कल्पा में 13.6, डलहौजी में 11.5 और केलांग में 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बुधवार सुबह चंडीगढ़ में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। जिसके बाद यह संभावना लगायी जा रही है कि वे कांग्रेस को विधिवत तौर पर अलविदा कहकर अपनी नई पार्टी का ऐलान कर सकते है। वहीं कैप्टन के ऐलान के बाद से पंजाब कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। इसके अलावा कैप्टन भाजपा से गठजोड़, बीएसएफ के अधिकार क्षेत्र में बढ़ोतरी और अरूसा आलम के आईएसआई से रिश्ते पर भी अपनी राय रखेंगे। कैप्टन को भाजपा के साथ गठबंधन से गुरेज नहीं है, लेकिन कांग्रेस उन्होंने कुबूल नहीं है। भाजपा के साथ भी कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई राजनीतिक पार्टी का गठबंधन सशर्त होगा। अमरिंदर के लिए किसानों का मुद्दा बेहद अहम हैं। इनके समाधान के बगैर वह भाजपा से नाता नहीं जोड़ेंगे। अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर कैप्टन ने लिखा था कि केंद्र सरकार को पहले किसानों के समस्याओं का समाधान करना चाहिए, इसके बाद भारतीय जनता पार्टी से किसी भी राजनीतिक समझौते पर चर्चा की जाएगी। पंजाब में भाजपा को एक कद्दावर नेता की तलाश है। ऐसे में यह स्पष्ट है कि कैप्टन को अपने साथ लाने से पहले भाजपा को किसानों का मुद्दा हल करना होगा। वहीं कैप्टन की नई पार्टी में दूसरे दलों के नाराज नेता हिस्सेदार होंगे। पंजाब कांग्रेस के कई नेता भी कैप्टन की पार्टी का हिस्सा बन सकते हैं। विधानसभा टिकट बंटवारे के दौरान पंजाब कांग्रेस में असंतोष पनपने की आशंका है। अगर ऐसा होता है तो अमरिंदर सिंह इस अवसर को भुनाने की कोशिश जरूर करेंगे। वहीं शिअद से नाराज टकसाली नेताओं पर भी कैप्टन का फोकस है। हाल ही में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने यह दावा किया था कि कई विधायक उनके संपर्क में हैं।
दिल्ली में एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने से चार लोगों की मौत की खबर सामने आई है। यह घटना दिल्ली के पुराने सीमापुरी इलाके की है, जहाँ मंगलवार सुबह लगी है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पत्ता नहीं लगा है। पुलिस के मुताबिक सभी मृतकों के शव इमारत की तीसरी मंजिर पर बने कमरे से बरामद हुए। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 436, 304ए के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दरसल, ओल्ड सीमापुरी के मकान नंबर जी-261 में मंगलवार तड़के चार बजे आग लगने की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम और दमकल विभाग के कर्मी मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पा लिया गया है। मकान की तीसरी मंजिल पर एक कमरे में कुल चार लोगों के शव मिले। इनकी पहचान शास्त्री भवन में चपरासी के तौर पर काम करने वाले होरीलाल (59) पुत्र नाथीराम, एमसीडी में सफाईकर्मी के तौर पर काम करने वाली रीना (55) पत्नी होरीलाल, आशू (24) पुत्र होरीलाल और रोहिणी पुत्री होरीलाल (18) के रूप में हुई है। सभी शव जीटीबी नगर मोर्चरी भेज दिए गए हैं।
बहुचर्चित क्रूज ड्रग्स पार्टी केस में गिरफ्तार आर्यन खान की जमानत याचिका पर बॉम्बे हाई कोर्ट में मंगलवार यानी आज सुनवाई होगी। आर्यन खान ने 20 अक्टूबर को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सबस्टेंस अधिनियम के तहत जमानत के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। इससे पहले मामले में दायर की गई याचिका को विशेष अदालत ने खारिज करते हुए आर्यन खान की न्यायिक हिरासत 30 अक्टूबर तक के लिए बढ़ा दी थी। विशेष अदालत द्वारा 20 अक्टूबर को उसकी याचिका खारिज करने के बाद, वकील सतीश मानेशिंदे की कानूनी टीम ने मुंबई उच्च न्यायालय का रुख किया। इसके बाद अदालत मंगलवार, 26 अक्टूबर को मामले की सुनवाई करने के लिए सहमत हुई। मामले में आर्यन के वकील ने पहले कहा था कि, "हमने अदालत से कहा कि मामले की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग से होनी चाहिए, लेकिन न्यायाधीश ने इनकार कर दिया।" आर्यन खान की जमानत याचिका क्रमांक 57 पर सूचीबद्ध है। जबकि अरबाज मर्चेंट की जमानत याचिका क्रमांक 64 पर सूचीबद्ध है। इस बीच उच्च न्यायालय में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) आर्यन खान सहित मामले के सभी आरोपियों की जमानत का विरोध करेगा। मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में आर्यन की जमानत अर्जी को मजिस्ट्रेट अदालत और विशेष एनडीपीएस अदालत दोनों द्वारा खारिज करने के बाद आर्यन खान अब तीन सप्ताह से ज्यादा समय से हिरासत में है। इसी बीच शाहरुख खान 21 अक्टूबर को पहली बार अपने बेटे से मुंबई के आर्थर रोड जेल में मिले थे। आर्यन खान के मोबाइल फोन पर मिले व्हाट्सएप चैट के आधार पर अभिनेत्री अनन्या पांडे को पिछले हफ्ते दो बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था। एनसीबी इस मामले में अब तक कुल 20 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस बीच मामले में एनसीबी की जांच भी जारी है।


















































