कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज में भी नंबर वन आने के लिए प्रदेश सरकार ने लोगों को घर-घर वैक्सीन लगाने की योजना तैयार की है। सरकार ने 30 नवंबर तक हिमाचल प्रदेश के सौ फीसदी लोगों को दूसरी डोज देने का लक्ष्य रखा है। इसके चलते यह प्लान तैयार किया है। वहीं, दूसरी ओर स्कूली विद्यार्थियों में कोरोना के मामले बढ़ने पर शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग से राय मांगी है। हिमाचल में बीते एक सप्ताह से 25 से 30 छात्र कोरोना संक्रमित हो रहे हैं। प्रदेश में 60 प्रतिशत आबादी को कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जा चुकी है। प्रदेश में 55 लाख 23 हजार पात्र लोग हैं, जिनका कोविड -19 के खिलाफ टीकाकरण किया जा रहा है। किन्नौर जिले में 100 फीसदी लोगों को दूसरी डोज लग चुकी है। लाहौल-स्पीति 85 फीसदी लक्ष्य हासिल कर दूसरे स्थान पर है। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने बताया कि 30 नवंबर तक हिमाचल में लक्षित सभी लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाने का लक्ष्य रखा है। लोगों को घर-घर जाकर वैक्सीन लगाने का भी प्लान तैयार किया है।
अटल आशीर्वाद योजना के तहत नवजात शिशुओं को दी जाने वाली बेबी केयर किट मेें छह नई वस्तुएं शामिल की जा रही हैं। इनमें थर्मामीटर, नेलकटर, बीब, हेयर ब्रश, गाउन और माताओं के लिए छह पीस नैपकिन शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने प्लान तैयार कर इसे मंजूरी के लिए प्रदेश सरकार को भेजा है। आचार संहिता खत्म होने के बाद इसे मंजूरी दी जा सकती है। वर्तमान में नवजात बेबी केयर किट में 12 वस्तुएं दी जा रही है। जन्म के समय के बाद मां और नवजात शिशुओं के लिए इन वस्तुओं की ज्यादा जरूरत होती है। सरकार का दावा है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थान व निजी अस्पतालों में यह किट मुफ्त में मुहैया करवाई जा रही है। बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए माताओं को हैंड सैनिटाइजर भी दिया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिलों में बर्फबारी ने राजनीतिक दलों की चिंता बढ़ा दी है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और भरमौर में ताजा बर्फबारी से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मंडी संसदीय सीट के इन क्षेत्रों में वोटरों को घरों से निकालना अब आसान नहीं हैं। मौसम में आए बदलाव के बाद इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज हुई है। मंडी संसदीय सीट के तहत जिला किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और जिला चंबा का भरमौर क्षेत्र आता है। बीते दिनों इन क्षेत्रों में बर्फबारी होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। चुनाव प्रचार भी खराब मौसम के चलते प्रभावित हुआ है। 30 अक्तूबर को मंडी संसदीय सीट के उपचुनाव के लिए मतदान होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में इन क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचने के लिए राजनीतिक दलों के नेताओं को खूब पसीना बहाना पड़ेगा। मतदाताओं को वोट देने के लिए मतदान केंद्रों तक पहुंचाना चुनाव आयोग के लिए भी आसान नहीं रहने वाला है। आने वाले दिनों में अगर मौसम खराब होता है तो मुश्किलें और बढ़ सकती हैं। इसके अलावा मंडी जिले के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। चुनाव प्रचार के लिए इन क्षेत्रों में पहुंचना भी नेताओं के लिए चुनौती भरा कार्य है। बर्फबारी के चलते इन क्षेत्रों में अगर कम मतदान होता है तो राजनीतिक दलों को काफी नुकसान उठाना पड़ेगा।
अरुणाचल प्रदेश में 13 डोगरा रेजीमेंट में तैनात हिमाचल प्रदेश के जोगिंद्रनगर के भटवाड़ा गांव के नायक अमित कुमार की पेट्रोलिंग के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई है। सैनिकों को ले जा रहा वाहन खाई में गिर गया, जिसमें नौ सैनिक घायल हो गए। नायक अमित कुमार को सेना ने युद्ध में हताहत का दर्जा दिया है और 26 अक्तूबर को राजकीय सम्मान के साथ शहादत पाने वाले सैनिक का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार होगा। हवाई मार्ग से दिल्ली तक शहीद की पार्थिव देह पहुंचेगी और उसके बाद सेना के एक विशेष वाहन में मंगलवार को जोगिंद्रनगर में 11 बजे पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देंगे। सैन्य सम्मान भी नायक अमित कुमार को मिलेगा। जोगिंद्रनगर के एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने सैनिक की शहादत की पुष्टि करते हुए कहा कि सैनिक के राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी सैनिक के परिजनों को दी जा रही है। एसडीएम ने वीर सैनिक की शहादत पर परिजनों को सांत्वना देते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का ऐलान किया है। यह हादसा 23 अक्तूबर का बताया जा रहा है। बता दें कि नायक अमित कुमार की नौ माह पहले ही शादी हुई थी और इस करवाचौथ में पत्नी ने अपने पति की दीर्घायु की कामना के लिए व्रत रखने की भी तैयारी थी। इसी दौरान पति की शहादत की खबर मिलने से पूरा परिवार स्तब्ध है। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।
दिल्ली हाईकोर्ट में कानून के तहत समलैंगिक विवाह को मान्यता देने की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए, केंद्र सरकार ने अदालत को बताया कि कानून चाहे कुछ भी कहता हो, भारत में अभी केवल जैविक पुरुष और जैविक महिला के बीच विवाह की अनुमति है। चीफ जस्टिस डीएन पटेल और जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच अभिजीत अय्यर मित्रा, वैभव जैन, डॉ. कविता अरोड़ा, ओसीआई कार्ड धारक जॉयदीप सेनगुप्ता और उनके साथी रसेल ब्लेन स्टीफेंस की याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। बेंच ने सभी पक्षों को अपनी दलीलें पूरी करने के लिए और समय देते हुए याचिकाओं पर अंतिम सुनवाई के लिए 30 नवंबर की तारीख तय की है। सुनवाई के दौरान जॉयदीप सेनगुप्ता और स्टीफेंस की ओर से पेश हुए वकील करुणा नंदी ने बताया कि जोड़े ने न्यूयॉर्क में शादी की और उनके मामले में नागरिकता अधिनियम 1955, विदेशी विवाह अधिनियम 1969 और विशेष विवाह अधिनियम 1954 कानून लागू होता है। उन्होंने नागरिकता अधिनियम 1955 की धारा 7ए (1) (डी) पर प्रकाश डाला, जो विषमलैंगिक, समान-लिंग या समलैंगिक पति-पत्नी के बीच कोई भेद नहीं करता है। वकील ने कहा कि यह एक बहुत ही सीधा मुद्दा है। नागरिकता कानून विवाहित जोड़े के लिंग पर मौन है। राज्य को केवल पंजीकरण करना है। इसलिए यदि केंद्र जवाब दाखिल नहीं करना चाहता है, तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने तर्क दिया कि 'स्पाउस' का अर्थ पति और पत्नी है, 'विवाह' विषमलैंगिक जोड़ों से जुड़ा एक शब्द है और इस प्रकार नागरिकता कानून के संबंध में कोई विशिष्ट जवाब दाखिल करने की कोई जरूरत नहीं है।
भरी बारिश और बर्फबारी के चलते औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर बस सेवा बंद हो गई है। जबकि फोर बाई फोर वाहन चल रहे हैं। रविवार रात को यहां पश्चिम-बंगाल के 26 सैलानी साढ़े तीन घंटे तक फंसे रहे, जिन्हें पुलिस व स्थानीय युवाओं की मदद से सुरक्षित निकाला गया। हाईवे बंद होने से लोगों को पैदल जाना पड़ा है। हालांकि सोमवार को दो दिन बाद धूप खिल गई है। लेकिन लोगों की समस्याएं कम नहीं हुई हैं। अटल टनल के साउथ पोर्टल स्थित धुंधी के पास रोड फिसलन भरा हो गया है। जिसके चलते साउथ पोर्टल से नॉर्थ पोर्टल की तरफ वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। वहीं लाहौल में मूलिंग पुल के पास पहाड़ी से भूस्खलन होने से हाईवे-तीन अवरूद्ध हो गया है। मनाली-लेह मार्ग के साथ ग्रांफू-काजा मार्ग भी यातायात के लिए पूरी तरह से बंद है। लाहौल-स्पीति प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए अनावश्यक यात्रा से बचें। एसपी मानव वर्मा ने लोगों को एहतियात बरतने को कहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। 26 से 28 तक मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।
छत्तीसगढ़ व तेलंगाना के बॉर्डर पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में 3 नक्सलियों को जवानों ने ढेर कर दिया है। जवानों को भारी पड़ता देख अन्य नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। मुठभेड़ के बाद क्षेत्र के सर्चिंग पर एके 47 व SLR हथियार बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार तेलंगाना के मुलगु जिले व बीजापुर के तारलागुड़ा के बीच नक्सलियों के मौजूदगी की सूचना पर तेलंगाना पुलिस और तेलंगाना ग्रे हाउंड्स की संयुक्त टीम को जंगल में कार्यवाही के लिए रवाना किया गया था। जवान जैसे ही जंगल में घुसे, वैसे ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस और नक्सलियों के बीच लगभग 2 घंटे तक फायरिंग हुई है। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले। सर्चिंग के बाद तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। मुलगू जिले का जंगल छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले की सीमा से लगा हुआ है। इस मुठभेड़ के बाद छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती जिलों में तैनात फोर्स को भी अलर्ट कर दिया गया है। मारे गए नक्सलियों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जवान जब वापस लौटेंगे तब घटना के संबंध में और अधिक जानकारी सामने आएगी।
देश के सबसे लंबे 1026 किलोमीटर रूट पर साढ़े आठ महीने एचआरटीसी बस नहीं दौड़ेगी। बारालाचा, लाचुंग दर्रा, तंगलंग दर्रा से होकर लेह-दिल्ली बस सेवा 15 अक्तूबर से बंद कर दी गई है। अब इस रूट पर अगले साल जून के बाद ही बस का संचालन हो पाएगा। इस साल एचआरटीसी के केलांग डिपो ने दिल्ली-मनाली-केलांग से लेह के लिए अटल टनल रोहतांग के रास्ते एक जुलाई से बसों का संचालन किया। साढ़े तीन माह बाद ही इस रूट पर बस संचालन बंद करना पड़ा है। यह रूट 15 अक्तूबर से आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया जाता है। कई बार केलांग से आगे बारालाचा, लाचुंग और तंगलंग दर्रा में मौसम अनुकूल रहने पर निगम प्रबंधन काफी समय तक लोगों को बसों की सुविधा देता रहा है। इस बार मौसम खराबी के चलते निगम ने बस सेवा को बंद कर दिया है। गौरतलब है कि यह रूट सामरिक दृष्टि से भी अति महत्वपूर्ण है। वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान सड़क अपना सामरिक महत्व दर्ज करा चुकी है। तब से लेकर इस सड़क पर सेना की कानवाई, रसद और अन्य सामग्री भेजी जा रही है। अटल टनल रोहतांग के बनने से पूर्व लेह-दिल्ली रूट 1072 किमी था। अब इसकी दूरी 46 किमी घटकर 1026 किमी रह गई है। इसके चलते 36 घंटे का सफर अब 32 घंटे में पूरा हो जाता है। उधर, एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने कहा कि लेह-दिल्ली बस सेवा 15 अक्तूबर से बंद की गई है। इस रूट पर बस सेवा आगामी वर्ष में जून माह के बाद ही शुरू की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन घायल बताए जा रहे हैं। मिला जानकारी के मुताबिक दुर्गापुर-रिवालसर रोड पर एक कार सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस व एंबुलेंस को फोन कर हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस और चंकी पांडे की बेटी अनन्या पांडे आज यानी सोमवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सामने पेश नहीं होंगी। अनन्या पांडे को आज तीसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया गया था। अनन्या को सुबह 11 बजे एनसीबी दफ्तर पहुंचना था, हालांकि उन्होंने निजी कारणों से आगे की तारीख तय करने के लिए एनसीबी से रिक्वेस्ट की। वहीं, एनसीबी ने भी अनन्या के इस आग्रह को मान लिया है। एनसीबी अब नई तारीख के लिए समन जारी करेगा, तब अनन्या पांडे उस तारीख को पूछताछ के लिए एनसीबी दफ्तर में पेश होंगी। बता दें कि इससे पहले अनन्या पांडे ड्रग्स केस में गिरफ्तार अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान के साथ कथित व्हाट्सऐप चैट को लेकर अपना बयान दर्ज कराने के लिए शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन एनसीबी के सामने पेश हुईं थीं। एनसीबी ने उनके करीब चार घंटे तक पूछताछ की थी।
अपने जम्मू कश्मीर दौरे के तीसरे और आखिरी दिन केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्रीनगर में सोमवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कहा कि मुझे बहुत ताने दिए गए और कोसा गया। गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने अखबार में देखा कि फारूख अब्दुल्ला ने सलाह दी कि भारत सरकार को पाकिस्तान से बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वे अगर किसी बात करेंगे तो घाटी के लोगों और युवाओं के साथ बात करेंगे। जम्मू कश्मीर में विकास के नए युग की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि घाटी का विकास और लद्दाख का विकास इस मकसद से यह कदम उठाया गया है और जो 2024 से पहले कश्मीर जो कुछ भी चाहिए वह आपकी नजर के सामने होगा। घाटी के लोगों से गृह मंत्री ने कहा कि दिल से खौफ निकाल दीजिए, कश्मीर की शांति और विकास की यात्रा को कोई खलल नहीं डाल सकता है। इसके लिए आप भारत सरकार पर और हम पर भरोसा कर सकते हैं। कश्मीर की जनता को इस देश पर उतना ही अधिकार है जितना मेरा अधिकार है। गृह मंत्री ने कहा कि कश्मीर मोदी जी के दिल में बसता है। उन्होंने कहा कि मैं घाटी के युवाओं के साथ दोस्ती करना चाहता हूं। अमित शाह ने कहा कि कश्मीर की विकास यात्रा को खलल पहुंचाने वालों की नीयत साफ नहीं है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में सबसे पहले 100 फीसदी टीकाकरण किया गया। आप में से कोई भी मुख्यमंत्री बन सकता है। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि 70 साल तक अधिकार से आखिर क्यों वंचित रखा गया? गृह मंत्री ने कहा कि हम चाहते है कि कश्मीर युवा पत्थर न उठाएं। कश्मीर का अपनी सीएम बने जो लंदन न जाए। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कश्मीर के युवाओं को गुमराह किया जा रहा है।
क्रूज ड्रग्स केस : अभिनेत्री अनन्या पांडे की बढ़ी मुश्किलें, एनसीबी ने तीसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया
क्रूज ड्रग्स केस में अभिनेत्री अनन्या पांडे की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। सोमवार को एनसीबी ने अनन्या पांडे को समन भेजा और तीसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया है। शुक्रवार को एजेंसी ने अनन्या पांडे से करीब चार घंटे पूछताछ की थी। इससे पहले गुरुवार को अनन्या से एनसीबी ने ड्रग क्रूज मामले में उनसे दो घंटे तक पूछताछ की थी। दरअसल आर्यन खान के केस में एक व्हाट्सएप चैट में अनन्या पांडे के नाम का जिक्र आया था, जिसके बाद से उनके घर एनसीबी की रेड पड़ी थी और ऑफिस बुलाकर उनसे पूछताछ की गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अनन्या ने कहा कि उन्होंने कभी किसी नशीले पदार्थ यानि ड्रग्स का सेवन नहीं किया है। पूछताछ के दौरान अनन्या पांडे बहुत बार रोई भी थीं। बुधवार को एनसीबी के अधिकारियों ने अनन्या पांडे के घर छापा मारा था और बयान दर्ज करने के लिए उसी दिन उन्हें समन भेजा था। एनसीबी के अधिकारियों ने छापेमारी के दौरान उनका लैपटॉप और फोन जब्त कर लिया। एक व्हाट्सएप चैट में आर्यन खान के ड्रग्स के जुगाड़ करने के सवाल की बात सामने आई थी जिसमें अनन्या ने लिखा था कि वो इंतजाम कर देंगी। ऐसे में जब अनन्या से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वो सिर्फ मजाक कर रही थीं और उन्हें नहीं पता था कि वीड ड्रग्स होता है।
कोविड महामारी के बीच सिंगापुर की सरकार ने ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है। भारतीयों को सिंगापुर की यात्रा करने को लेकर बड़ी राहत दी गई है। सिंगापुर ने भारत समेत कई दूसरे देशों पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया है। कोविड-19 महामारी के कारण कई देशों पर यात्रा प्रतिबंध लगाए गए थे। भारत, बांग्लादेश, म्यांमार, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका के लोग अब कुछ शर्तों के साथ सिंगापुर की यात्रा कर सकेंगे। सिंगापुर स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा निर्देशों के मुताबिक सिंगापुर के लिए प्रस्थान से पहले बांग्लादेश, भारत, म्यांमार, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका के 14 दिनों के यात्रा इतिहास वाले सभी यात्रियों को 26 अक्टूबर को रात 11.59 बजे से सिंगापुर में प्रवेश करने अनुमति दी जाएगी। हालांकि, मंत्रालय ने यह भी कहा कि यात्रियों को कई सख्त नियमों का पालन करना होगा। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा कि उसने उन छह दक्षिण एशियाई देशों में कोविड -19 स्थिति की समीक्षा की है और उसके बाद ये फैसला लिया गया है। स्वास्थ्य मंत्री ओंग ये कुंग ने कहा कि इन देशों में स्थिति कुछ समय के लिए स्थिर हो गई है। बता दें कि कोरोना महामारी के दौरान कई देशों की हालत चिंताजनक थी और काफी संख्या में लोग इस बीमारी के शिकार थे और इसी वजह से सरकार की ओर से सिंगापुर आने जाने को लेकर प्रतिबंध लगाया गया था।
नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो मुंबई ड्रग्स मामले में अभिनेता शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान समेत सभी गिरफ्तार आरोपियों के वित्तीय लेनदेन की जांच कर रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि जांच दल पहले ही ऐसे कुछ आरोपियों के लेन-देन के रिकॉर्ड एकत्र कर चुका है, जिनसे 'व्यावसायिक' इस्तेमाल में लाए जाने वाले या बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त हुए थे। एजेंसी आरोपियों की आय के स्रोतों की भी जांच कर रही है। अधिकारी ने कहा कि जांच दल आरोपियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से हटाए गए संदेशों और व्हाट्सएप चैट को निकाल रहा है और जांच कर रहा है कि क्या उन्होंने एक दूसरे के साथ संवाद करने के लिए किसी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया है। एनसीबी ने छापेमारी के दौरान कथित तौर पर कुछ आरोपियों के पास से एमडीएमए बरामद किया था। अधिकारी ने कहा कि यह पदार्थ ज्यादातर यूरोप और अमेरिका से मंगवाया जाता है और एजेंसी इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसे कहां से हासिल किया।
जम्मू के कई हिस्सों में भारी बारिश और बर्फबारी होने से तीन लोगों की मौत हो गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में पहली बार मध्यम हिमपात होने से 270 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और मुगल रोड और किश्तवाड़-सिमथन रोड पर यातायात शनिवार को रोक दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि रियासी जिले में माता वैष्णो देवी तीर्थ का दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों के आधार शिविर कटरा में सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे के बीच सबसे अधिक 90.7 मिमी बारिश हुई, लेकिन तीर्थयात्रा बिना किसी व्यवधान के जारी रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शबीर मलिक ने बताया कि जम्मू- श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है। भारी बारिश के कारण रामबन शहर के पास कैफेटेरिया मोड़ पर भीषण भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हो गया, जिससे यातायात को निलंबित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि केला मोड़ और मौमपासी सहित रामबन-बनिहाल सेक्टर के बीच राजमार्ग पर स्थित कई स्थानों पर पहाड़ों से पत्थर गिरने की भी सूचना है। मौसम विभाग के अधिकारी ने केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर और लद्दाख में अगले 24 घंटों तक मौसम नम रहने का अनुमान जताया है और कहा है कि 24 अक्टूबर की दोपहर से मौसम में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने बताया कि जम्मू में इस मौसम के दौरान 12.8 मिमी बारिश और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है।
मध्य दिल्ली के रंजीत नगर इलाके में सात साल की एक लड़की से एक व्यक्ति ने कथित रूप से बलात्कार किया। पुलिस ने बताया कि यह वारदात शुक्रवार को तब हुई जब वह लड़की अपने घर के समीप एक स्थान पर जा रही थी जहां भोजन मुफ्त बंट रह था। पुलिस के मुताबिक ऐसा संदेह है कि आरोपी ने उस लड़की को लालच दिया और उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल लड़की की स्थिति स्थिर है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि भारतीय दंड संहिता और पॉक्सो की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है। इस बीच दिल्ली महिला आयोग ने शनिवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर उसे इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने को कहा है।
धर्मशाला: जिला कांगड़ा में शनिवार रात को मौसम ने करवट बदली है। रविवार सुबह से ही जिला के मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हो गई। वहीं धौलाधार शृंखला में त्रियुंड से लेकर बिलिंग तक बर्फ की चादर बिछ गई है। ट्रैकिंग के लिए प्रसिद्ध त्रियुंड में 1 से 2 इंच बर्फबारी दर्ज की गई है जबकि बिलिंग में भी बर्फबारी से पैराग्लाइडिंग की टेक ऑफ साइट भर गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के तेवर ऐसे ही रहेंगे। वंही जिला कांगड़ा व चम्बा की सीमा पर स्थित इंद्रहार व थमसर दर्रों में काफी बर्फबारी हो रही रही है। धौलाधार के साथ सटे क्षेत्रों राजगुंधा, थाती, कोकसर व छोटा भंगाल में भी ताजा हिमपात हुआ है। इसके अतिरिक्त जिला मुख्यालय धर्मशाला सहित पालमपुर व बैजनाथ में भी बारिश का दौर जारी है। बारिश से जहां शुष्क ठंड से कुछ निजात मिली है, वहीं आने वाले दिनों में यहां का तापमान काफी नीचे आ जाएगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगर मौसम ऐसे ही 2 दिन और रहता है तो बर्फबारी मैक्लोडगंज व नड्डी तक पहुंच सकती है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बाद अब राज्यपाल सचिवालय में भी पेपरलेस कामकाज शुरू हो गया। शुक्रवार से पूरा कामकाज ई-ऑफिस के जरिये शुरू हुआ। राजभवन के प्रवक्ता ने बताया कि राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर के निर्देशानुसार सचिवालय का कामकाज ऑनलाइन शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को राज्यपाल के सचिव ने राज्यपाल को ई ऑफिस सॉफ्टवेयर से अवगत करवाया और कहा कि इस परियोजना के कार्यान्वयन से कार्य में पारदर्शिता आएगी और समय भी बचेगा। ई-ऑफिस समाधान एनआईसी नई दिल्ली की ओर से विकसित किया गया है।
अपने तीन दिवसीय दौरे के लिए गृहमंत्री अमित शाह श्रीनगर पहुंच चुके हैं। घाटी पहुंचने के बाद वे सीआईडी इंस्पेक्टर परवेज अहमद के आवास पर उनके परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करने के लिए पहुंचे। परवेज को जून 2021 में आतंकियों ने मार गिराया था। अमित शाह के साथ जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और डीजीपी दिलबाग सिंह भी थे। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने परवेज अहमद की पत्नी फातिमा अख्तर से मुलाकात की और उन्हें सरकारी नौकरी के लिए आधिकारिक कागजात भी दिए। 22 जून की शाम को इंस्पेक्टर परवेज अहमद पर आतंकियों ने घात लगाकर हमला किया था। हमले में परवेज अहमद शहीद हो गए थे। इस वारदात को उस वक्त अंजाम दिया गया था जब परवेज अहमद मस्जिद में नमाज अदा करने जा रहे थे। इस दौरान दो हथियारबंद आतंकवादियों ने उस पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शहीद जवान परवेज अहमद के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि मुझे व पूरे देश को उनकी बहादुरी पर गर्व है। गृह मंत्री ने उनके परिजनों से भेंट की और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो नए जम्मू-कश्मीर की कल्पना की है, उसको साकार करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस पूरी तन्मयता से प्रयासरत है।
14 साल के अंतराल के बाद अब एक बार फिर माचिस की डिब्बी का दाम बढ़ने जा रहा है। एक तरफ जहां रोजमर्रा के अन्य सामानों की कीमत बढ़ती जा रही है। वहीं माचिस अकेली चीज है जिसने आपकी जेब हल्की नहीं की। पिछले 14 साल से माचिस की डिब्बी की कीमत को एक बार भी नहीं बढ़ाया गया था। हालांकि रिपोर्टस की माने तो अगले महीने से माचिस की एक डिब्बी 2 रुपये में मिलेगी। दरअसल पांच प्रमुख माचिस उद्योग निकायों के प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से 1 दिसंबर से माचिस की MRP 1 रुपए से बढ़ाकर 2 रुपए करने की घोषणा की है। इससे पहले साल 2007 में माचिस के दाम में संशोधन किया गया था, उस वक्त इसकी कीमत 50 पैसे से बढ़ाकर 1 रुपये कर दी गई थी। इस कीमत को बढ़ाने का फैसला गुरुवार को शिवकाशी में ऑल इंडिया चैंबर ऑफ मैचेस की बैठक में लिया गया। निर्माताओं ने कहा कि माचिस बनाने के लिए 14 कच्चे माल की जरूरत होती है। वहीं 14 साल बाद कीमत को बढ़ाने का कारण बताते हुए उद्योग के प्रतिनिधियों ने कहा कि देश में कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि हुई है जिसके कारण माचिस के कीमत को भी बढ़ाया गया है। माचिस बनाने में इस्तेमाल होने वाले एक किलोग्राम लाल फास्फोरस की कीमत अब 425 रुपये से बढ़ाकर 810 रुपये कर दी गई है। साथ ही 10 अक्टूबर से कागज, स्प्लिंट्स, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर की कीमत में भी को भी बढ़ाया गया है।
मुंबई क्रूज ड्रग्स मामले में गिरफ्तार आर्यन खान के साथ व्हाट्सएप चैट नाम सामने आने के बाद बॉलीवुड एक्ट्रेस अनन्या पांडे भी नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की रडार पर आ गई हैं। अनन्या से दो बार पूछताछ हो चुकी है। अनन्या पांडे ने ड्रग लेने से इनकार किया है। एनसीबी को अब भी उनसे कई सवाल करने हैं, ऐसे में सोमवार को एक बार फिर उन्हें बुलाया गया है। अनन्या और आर्यन काफी अच्छे दोस्त रहे हैं। वो उनकी तारीफ भी कर चुकी हैं। अनन्या पांडे, आर्यन खान और सुहाना खान दोनों की काफी अच्छी दोस्त हैं। इन्हें कई बार एक साथ स्पॉट किया गया है। अनन्या ने एक बार आर्यन की खूब तारीफ भी की थी। एक इंटरव्यू के दौरान जब अनन्या से आर्यन और सुहाना के बॉलीवुड में डेब्यू को लेकर सवाल किया गया था तो उन्होंने आर्यन की बहुत तारीफ की थी। उन्होंने कहा था कि आर्यन काफी क्रिएटिव है। वो बहुत अच्छा लिखते भी हैं। उनका इंट्रेस्ट एक्टिंग से ज्यादा डायरेक्शन में हैं। हालांकि इसके बाद उन्होंने ये भी कहा था कि वो आर्यन को बड़े पर्दे पर देखना चाहती हैं। अनन्या पांडे को एनसीबी दो बार पूछताछ के लिए बुला चुकी हैं। दोनों बार एक्ट्रेस काफी लेट पहुंची, जिसकी वजह से एनसीबी पूरी पूछताछ नहीं कर पाई हैं।
हिमाचल प्रदेश में साइबर अपराध के बढ़ते ग्राफ के बीच अब सेक्सटॉर्शन एक नया तरीका बनकर तेजी से बढ़ रहा है। साइबर क्राइम पुलिस के आंकड़ों में पता चला है कि कोविड-19 के दौर में पिछले दो साल में सेक्सटॉर्शन के मामलों में तीन गुना तक इजाफा हुआ है। साइबर अपराधी लोगों के अकेलेपन व तनाव का फायदा उठाकर उन्हें सेक्सटॉर्शन (नग्न तस्वीर या वीडियो को वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करना) का शिकार बना रहे हैं। इस तरह के अपराध में ज्यादातर मामलों में पीड़ित या पीड़िता खुद ही साइबर अपराधी के झांसे में आकर उससे अपनी न्यूड या अंतरंग तस्वीरें या वीडियो साझा कर देता है। इसके बाद उन्हीं वीडियो या फोटो के नाम पर साइबर अपराधी पैसों से लेकर न्यूड फोटो या वीडियो की डिमांड कर पीड़ितों को सेक्सटॉर्शन का शिकार बनाते हैं। बदनामी के डर से लोग शिकायत दर्ज नहीं कराते लेकिन साइबर क्राइम अधिकारियों का मानना है कि ऐसे मामलों में डरने की बजाय पुलिस से शिकायत करने पर खुद के बचने के साथ ही अन्य किसी को इस परेशानी का सामना करने से बचाया जा सकता है। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के आंकड़ों के अनुसार पिछले दो साल में सेक्सटॉर्शन के 330 मामले में सामने आए। इनमें 2020 में जहां 80 मामले दर्ज किए गए, वहीं 2021 में अब तक 250 मामले सामने आ चुके हैं। साइबर क्राइम पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरवीर राठौर कहते हैं कि ऐसे मामलों की जांच में पाया गया है कि ज्यादातर कॉल राजस्थान के मेवात और भरतपुर के दूरदराज के क्षेत्रों में बैठे गिरोह चला रहे हैं। पुलिस लगातार ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर रही है।
उत्तराखंड से हिमाचल के लिए ट्रैकिंग पर निकले 11 लापता ट्रेकर्स में से 7 के शव बरामद हो गए हैं। 2 ट्रेकर्स का रेस्क्यू किया जा चुका है। हालांकि, 2 लोग अभी भी लापता हैं। बता दें कि ये दल 11 अक्टूबर को उत्तराखंड के हर्षिल से हिमाचल के छितकुल के लिए ट्रैकिंग पर निकले थे। लेकिन खराब मौसम के चलते फंस गए। लापता ट्रेकर्स में 7 सदस्य पश्चिम बंगाल के, 1 दिल्ली और तीन उत्तराखंड के स्थानीय नागरिक थे। जब ये निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचे तो ट्रेकर एजेंसी ने आपदा प्रबंधन विभाग को जानकारी दी। आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा वायु सेना की मदद से हेलिकॉप्टर द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसमें अब तक दो सदस्यों को रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, 7 के शव बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि ये दल 17-19 अक्टूबर के बीच लमखागा पास के नजदीक लापता हो गया था। लमखागा पास सबसे कठिन दर्रे में से एक है जो किन्नौर जिले को उत्तराखंड के हर्षिल से जोड़ता है। इन ट्रेकर्स को सर्च करने के लिए आईटीबीपी और स्थानीय पुलिस ऑपरेशन चला रही है। रेस्क्यू टीम को ट्रेकर्स के शव अलग-अलग जगहों पर बर्फ में दबे मिले। इसके बाद इन्हें एक जगह पर लाकर हेलिकॉप्टर से भेजा गया। जिन दो ट्रेकर्स का रेस्क्यू किया गया है उनमें से एक ही हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। बाकी के लापता लोगों की तलाश में आर्मी, आईटीबीपी और किन्नौर पुलिस संयुक्त अभियान चला रही है। उत्तराखंड सरकार ने समुद्र तल से 20,000 फीट की ऊंचाई पर स्थित लमखागा दर्रे पर इस टीम के लापता होने की जानकारी हिमाचल प्रदेश सरकार को दी थी। अधिकारियों से संपर्क किया गया और गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों ने बचाव अभियान शुरू किया था। जानकारी के मुताबिक, जिन लोगों का रेस्क्यू किया गया, उनमें से एक ट्रेकर और एक गाइड है।
खाद्य तेल के बाद अब राशन के डिपुओं में मिलने वाली दालें भी महंगी हो गई हैं। दालों की कीमतों में दो से छह रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। एनएफएसए कार्ड धारकों को इस बार दाल चना 37 रुपये प्रतिकिलो की जगह 39 रुपये, जबकि दाल माश 54 की जगह 60 रुपये प्रतिकिलो मिलेगी। एपीएल कार्ड धारकों को दाल चना 47 के बजाय 49 रुपये, माह की दाल 64 के बजाय 70 रुपये प्रतिकिलो मिलेगी। एपीएल करदाताओं को दाल चना 70 के बजाय 72 और माश की दाल 88 के बजाय 94 रुपये प्रतिकिलो मिलेगी। बढ़ी कीमतें इसी माह से लागू होंगी। हालांकि इस माह में प्रदेश भर की उचित मूल्यों की दुकानों में अभी दालों का वितरण नहीं हो पाया है, जिससे उपभोक्ता पहले ही परेशान हैं। दिवाली पर इस बार प्रति व्यक्ति 100 ग्राम अतिरिक्त चीनी का कोटा भी नहीं मिला। प्रदेश सरकार ने दिवाली से पहले ही प्रदेश की 70 लाख आबादी को महंगाई के रूप में जोर का झटका दिया है। इससे पूर्व राज्य सरकार खाद्य तेल और रिफाइंड की कीमतों में 15 से लेकर 37 रुपये प्रति लीटर की दर से इजाफा कर चुकी है।
हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच रोहतांग दर्रा सहित मनाली की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। इसी बीच कुल्लू व लाहौल-स्पीति जिले में मौसम सुबह से ही खराब बना हुआ है। बादल छाए रहने से तापमान काफी लुढ़क गया है। रविवार तक बारिश व बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लाहौल-स्पीति प्रशासन ने जिले में पर्यटकों की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया है। इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से बकायदा एक आदेश भी जारी किया गया है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें। 18 और 19 अक्तूबर को हुई बर्फबारी के बाद कई पर्यटक लाहौल में फंस गए थे।
हिमाचल प्रदेश की 25 वर्षीय अंजलि रयोत की मैक्सिको में गोली लगने से मौत हो गई। अंजलि रयोत हिमाचल में सोलन की रहने वाली थी। वह हाउसिंग बोर्ड में रहती थी। अंजलि की शादी होने के बाद वह अमेरिका चली गई थी व वंही रह रही थी। अंजलि अपना जन्मदिन मनाने मैक्सिको गई हुई थी, पिछले कल अंजलि का जन्मदिन था। जहाँ वह कैरिबियन तट रिसोर्ट टुलम में डिनर कर रही थी। तभी दुर्भाग्यवश दो गुटों में वहां गैंगवार आरम्भ हो गया। उन्होंने एक दूसरे पर गोलियां चलानी आरम्भ कर दी, जिसकी चपेट में अंजलि भी आ गई और उसकी मौत हो गई। दो दिन पहले अंजलि ने अपने इंस्टाग्राम पर बीच पर घूमने का अंतिम वीडियो भी पोस्ट किया था। बता दें कि अंजलि इंजीनियर होने के साथ-साथ ट्रैवल ब्लॉगर के रूप में बेहद फेमस थी। वह देश विदेश के पर्यटन स्थलों की खूबसूरती को दर्शाती थी।
पंजाब के कृषि मंत्री रणदीप सिंह नाभा ने लखीमपुर खीरी हिंसा में मारे गए चार किसानों और एक पत्रकार के परिवार के सदस्यों को 50-50 लाख रुपए के चेक सौंपे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने हमेशा 'काले कृषि कानूनों' के खिलाफ किसानों के आंदोलन का समर्थन किया है और वह किसान समुदाय के साथ खड़ी है। बता दें कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में तीन अक्टूबर को हुई हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। पंजाब सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, कृषि मंत्री रणदीप सिंह नाभा ने लखनऊ में चार किसानों और पत्रकार के परिवारों को 50-50 लाख रुपए के चेक सौंपे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भारी बारिश होने के अनुमान लगाया है। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि इन इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलवा मौसम विभाग ने दिल्ली में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत के हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार 26 अक्टुबर से भारत के दक्षिणपूर्वी हिस्से में पूर्वोंतर मानसून के आने से बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि अरूणांचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, नागालैंड, मनिपुर, मिजोरम और त्रिपूरा में बारिश हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में गरज के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। इसके साथ ही बिजली गिरने के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है।
केंद्र की मोदी सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट में व्हाट्सएप द्वारा दायर याचिका जिसमें नए आईटी नियमों को चुनौती दी गई है उसका विरोध किया है। केंद्र सरकार ने इस याचिका को खारिज करने की मांग की है। इसके साथ ही सरकार ने कहा कि व्हाट्सएप एक विदेशी व्यावसायिक कंपनी है और इसका भारत में व्यवसाय का कोई स्थान नहीं है। यह अपने ग्राहकों की जानकारी के प्रचार के व्यवसाय में लगी हुई है। सरकार ने कहा कि व्हाट्सएप विदेशी व्यावसायिक इकाई है इसलिए वह भारतीय कानूनों को चुनौती देने योग्य नहीं है। बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए आईटी नियमों के मुताबिक फेसबुक, व्हाट्सएप और अन्य मैसेजिंग एप के लिए यह पता लगाना जरूरी है कि पहली बार किसी मैसेज को किसने भेजा। इसके खिलाफ फेसबुक और उसकी सहायक कंपनी व्हाट्सएप ने दिल्ली हाई कोर्ट में इस कानून के खिलाफ याचिका दायर की है। केंद्र सरकार ने कोर्ट में कहा कि सेक्शन 87 ऑफ आईटी रूल के मुताबिक किसी भी फेक मैसेज को सोर्स का पता लगाना कंपनी की जिम्मेदारी है। इससे देश में बहुत हद तक फेक न्यूज और किसी अफवाह पर लगाम लगाई जा सकेगी। यह कानून देश की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। यह बच्चों और महिला अधिकारों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतें देशभर में अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। आज लगातार चौथे दिन ईंधन की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी की गई है। आज पेट्रोल और डीजल में फिर से 35-35 पैसे की बढोतरी हुई है। दिल्ली में पेट्रोल की पंप कीमत 35 पैसे बढ़कर 107.24 रुपये प्रति लीटर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई, जबकि डीजल की कीमतें भी उसी अंतर से बढ़कर 95.97 रुपये प्रति लीटर हो गईं हैं। ईंधन की कीमतें सोमवार और मंगलवार को स्थिर रहीं, लेकिन बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और आज यानी शनिवार को लगातार चौथे दिन फिर से बढ़ गई। आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत अब 113.14 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल 104 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जो सभी महानगरों में सबसे ज्यादा है। पिछले 29 दिनों में 23 बार डीजल की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिससे दिल्ली में इसकी खुदरा कीमत 7.45 रुपए प्रति लीटर बढ़ गई है। डीजल की कीमतों में तेजी से वृद्धि के साथ, देश के कई हिस्सों में ईंधन अब 100 रुपये प्रति लीटर से ज्यादा पर मिल रहा है। पेट्रोल की कीमतों में 5 सितंबर से स्थिरता बनी हुई थी, लेकिन तेल कंपनियों ने पिछले हफ्ते पंप की कीमतों में बढ़ोतरी की।
गृहमंत्री अमित शाह की 23 अक्तूबर से जम्मू-कश्मीर दौरे के लिए सीआरपीएफ की वीआईपी यूनिट शुक्रवार को जम्मू पहुंच गई। रैली स्थल भगवती नगर ग्राउंड का वरिष्ठ अफसरों ने दौरा किया। साथ ही स्पेशल यूनिट के कमांडो ने इसका मुआयना किया। ये कमांडो शनिवार को रैली स्थल को अपने घेरे में लेंगे। वहीं, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ मुख्य रूप से रैली में तैनात रहेंगी। तीन हजार कर्मियों को रैली की सुरक्षा में तैनात किया जाएगा। एसएसबी, सीआईएसएफ के जवानों को भी सुरक्षा में लगाया जाएगा। बताया जा रहा है कि सीआरपीएफ की वीआईपी यूनिट मुख्य रूप से स्टेज की सुरक्षा में होगी। जेके पुलिस के कमांडो सहयोग करेंगे। आयोजन स्थल को सील कर दिया गया है। हरेक शख्स को पूरी जांच के बाद ही अंदर घुसने दिया जा रहा है। भगवती नगर से जुड़ने वाले तमाम रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों को अर्द्धसैनिक बलों के साथ तैनात किया गया है। तवी नदी के आसपास भी पुलिस और सीआरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है, क्योंकि आयोजन स्थल तवी नदी से सटा हुआ है। लिहाजा तवी नदी को भी सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। अमित शाह शनिवार को कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों के सभी चीफ के साथ बैठक करेंगे। आईबी, एमआई, रॉ, जेके पुलिस, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ और एनआईए के चीफ श्रीनगर पहुंच चुके हैं। कश्मीर में टारगेट कीलिंग और आतंकवाद पर लगाम लगाने के लिए ये अफसर अपने-अपने स्तर पर किए गए बंदोबस्त की जानकारी देंगे।
अनन्या को शुक्रवार को 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह तय समय पर एनसीबी के दफ्तर नहीं पहुंचीं। एनसीबी को आर्यन और अनन्या के बीच नशे को लेकर चैट मिली है जिसके बाद एनसीबी ने समन किया था। अनन्या से गुरुवार को करीब सवा दो घंटे तक पूछताछ चली। गुरुवार को एनसीबी की टीम ने अनन्या के घर रेड डाली थी। इसके बाद उन्हें समन जारी कर पूछताछ के लिए अपने कार्यालय बुलाया। इस दौरान समीर वानखेड़े ने अनन्या को आर्यन के साथ उनकी ड्रग्स को लेकर बातचीत वाले चैट भी दिखाए। बताया जाता है कि इस चैट में आर्यन अपनी दोस्त अनन्या से पूछते हैं कि कुछ जुगाड़ हो सकता है क्या? इसके जवाब में अनन्या लिखती हैं कि मैं अरेंज कर दूंगी। माना जा रही है कि आर्यन गांजा को लेकर अनन्या से बात कर रहे थे। जब समीर वानखेड़े ने अनन्या से इस चैट को लेकर सवाल किया तो अनन्या ने कहा कि वह- सिगरेट को लेकर बात कर रही थीं। जब अनन्या से पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी ड्रग्स लिया है तो एक्ट्रेस ने साफ इनकार किया। एनसीबी इस मामले में एक ड्रग्स पेडलर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एएनआई के अनुसार, एनसीबी ने बताया है कि, हिरासत में लिया गया पेडलर मामले में मुख्य संदिग्ध है जिसका नाम ड्रग्स से संबंधित चैट में सामने आया है। खबरों की मानें तो जैसे ही समीर वानखेड़े ने पूछताछ शुरू की अनन्या रोने लगीं। इसके बाद उन्हें पानी दिया गया और पूछताछ शुरू हुई थी। अनन्या एनसीबी दफ्तर जाने से पहले भी अपने पिता से गले लगकर रोती दिखाई दी थीं।
उत्तराखंड में तीन दिन की मूसलाधार बारिश के कारण आई आपदा के कारण बंद हुए रास्ते भले ही अब खुलने लगे हैं लेकिन कुमाऊं मंडल में अब भी 700 से ज्यादा पर्यटक अलग-अलग कारणों से फंसे हुए हैं। इनमें चार विदेशी पर्यटकों के फंसे होने की बात कही जा रही है। नैनीताल जिले में अब भी 165 से ज्यादा पर्यटक फंसे जिला पुलिस ने बृहस्पतिवार को ऐसे 40 पर्यटकों को बाहर निकाला। कुछ पर्यटकों की गाड़ी का तेल खत्म हो गया था। कुछ पर्यटक पैदल ही निकलने की कोशिश कर रहे हैं। तीन दिन तक हुई मूसलाधार बारिश से जिले में अलग-अलग जगह पर्यटक फंस गए थे। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य कर कई जगह से पर्यटकों को निकाल लिया। बुधवार और बृहस्पतिवार को मौसम साफ होने और कई मार्गों के खुल जाने से पर्यटकों को निकालने का काम शुरू हुआ। पुलिस के अनुसार रामगढ़ में फंसे लोगों को भी पुलिस लगातार निकाल रही है। बागेश्वर जिले में करीब 400 से ज्यादा पर्यटक अब भी फंसे हुए हैं।
राजधानी मुबंई में लालबाग इलाके की 60 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने कि खबर सामने आयी हैं, बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण है कि ये 17 मंजिल से 25 मंजिल तक फैल गई है। दूर से ही धुएं का गुबार देखा जा सकता है। बिल्डिंग से आग की लपटें निकल रही हैं। करी रोड इलाके में स्थित ये बिल्डिंग निर्माणाधीन है। फिलहाल मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौजूद हैं, राहत और बचाव का कार्य जारी हैं। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बिल्डिंग के पास और भी आवासीय इमारतें हैं। ऐसे में चिंता इस बात की है कि अगर आग को जल्द से जल्द नहीं बुझाया गया तो कोई बड़ा नुकसान हो सकता है। इस बिल्डिंग में कई बड़े बिजनेसमैन रहते हैं। दमकल विभाग के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक शख्स इमारत की बालकनी में लटका हुआ दिखाई दिया। खुद को बचाने के लिए शख्स काफी देर तक लटका रहा, लेकिन बाद में वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक दर्दनाक हादसा प्रकाश में आया हैं। बताया जा रहा हैं कि बादली-गुरुग्राम रोड पर एक भीषण हादसा हुआ, इस हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। ओवरटेक करने के चक्कर में एक कार आगे और पीछे आ रहे ट्रक के बीच में आ गई। कार में नौ लोग सवार थे। जिनमें आठ की मौके पर मौत हो गई और एक बच्ची की जान बच गई। मृतकों में चार पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। हादसे में मारे गए सभी लोग उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद जिले के गांव अनूप नंगला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। जो राजस्थान में गोगा मेड़ी के दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले। बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है। हादसे की जांच जारी है।
शाहरुख खान की मुश्किलें बेटे आर्यन के मामले में कम होती हुई नजर नहीं आ रही है SRK अपने बेटे को जेल से निकालने की पूरी कोशिश में लगे हुए हैं। ऐसे में हर किसी को अब 26 अक्टूबर को बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा सुनाए जाने वाले फैसले का इंतजार है। शाहरुख खान की चिंता का कारण ये है कि अगर 26 अक्टूबर को हाईकोर्ट किसी वजह से आर्यन की जमानत पर सुनवाई टाल देती है तो उनके बेटे को आगे 14 नवंबर तक जेल में ही रहना पड़ेगा। दरअसल,1 नवंबर से बॉम्बे हाईकोर्ट की दिवाली की छुट्टियां शुरू हो रही हैं। उसके बाद कोर्ट सीधे 14 नवंबर को ही खुलेगा। ऐसे में जमानत नहीं मिलने पर आर्यन की दिक्कतें बढ़ सकती हैं। जैसे-जैसे वक्त निकल रहा है शाहरुख खान का इंतजार लंबा होता जा रहा है। आर्यन खान को एनसीबी ने 2 अक्टूबर को मुंबई से गोवा जा रही क्रूज में चल रही रेव पार्टी में रेड डालकर गिरफ्तार किया था। उसके बाद आर्यन 5 दिनों तक एनसीबी की कस्टडी में रहें फिर आर्थर रोड जेल भेज दिया गया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपना 57वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी समेत बीजेपी के कई बड़े नेताओं ने बधाई दे रहे हैं। अमित शाह ने 2019 लोकसभा चुनाव में सांसद बनने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में एंट्री ली थी। अपने कार्यकाल में उन्होंने आर्टिकल-370 को हटाना, नागरिकता संशोधन एक्ट और UAPA जैसे कठोर फैसले लिए हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्विटर पर लिखा, "भारतीय राजनीति में कर्मठता, जीवटता एवं प्रतिबद्धता के आदर्श मानक, राष्ट्रवादी चेतना के प्रबल संवाहक, यशस्वी गृह व सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुयशपूर्ण व सुदीर्घ जीवन की कामना है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "केंद्रीय गृह मंत्री और हमारे वरिष्ठ सहयोगी श्री अमित शाह को उनको जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं।
देश में हर दिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं और आम आदमी की कमर तोड़ रहे हैं। आज एक बार फिर वैश्विक कच्चे तेल की दरों में उछाल के बाद ईंधन की कीमतें अब तक के नए उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं हैं। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में पेट्रोल और डीजल की दरें 35 पैसे बढ़कर क्रमश: 106.54 रुपये और 95.27 रुपये प्रति लीटर हो गईं हैं। आर्थिक नगरी मुंबई में आज पेट्रोल की कीमत 112.44 रुपये और डीजल के दाम 103.26 रुपये हो गए हैं। चेन्नई में पेट्रोल की कीमतें 103 रुपये प्रति लीटर के निशान को पार कर गई है और वर्तमान में यह 103.26 रुपये प्रति लीटर पर बेचा जा रहा है। वहीं डीजल की कीमत 99.59 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल के जाम 107.12 रुपये और डीजल की कीमत 98.38 रुपये है। बता दें कि फिलहाल देश में ईंधन की बढ़ती कीमतों में तुरंत कमी होने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि तेल की आपूर्ति और मांग के मुद्दे पर केंद्र सरकार कई तेल निर्यातक देशों के साथ बातचीत कर रही है लेकिन कीमतों में तत्काल राहत की कोई संभावना नहीं है।
क्रूज ड्रग्स केस में फंसे आर्यन खान के बाद अब एक और स्टारकिड एनसीबी के राडार पर आ गया है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो गुरुवार को चंकी पांडे की बेटी और ऐक्ट्रेस अनन्या पांडे के घर पहुंचीं और वहां जांच की। बताया जा रहा है कि एनसीबी के तीन अधिकारियों अनन्या के घर पर जांच की। टीम में एक महिला अधिकारी भी शामिल थी। एनसीबी ने अब अनन्या को दोपहर 2 बजे पूछताछ के लिए बुलाया है। अनन्या के बाद एनसीबी की टीम शाहरुख खान के घर 'मन्नत' भी पहुंची। बताया जा रहा है कि एनसीबी, आर्यन खान के कमरे से लेकर अन्य चीजों का सर्च ऑपरेशन कर रही है। एनसीबी ने आर्यन पर 'इंटरनैशनल ड्रग्स तस्करी' का आरोप लगाया था। ऐसे में एनसीबी को शक है कि आर्यन के पास से कुछ और सबूत मिल सकते हैं। बता दें कि 20 अक्टूबर को कोर्ट में आर्यन की बेल पर सुनवाई से पहले एनसीबी ने कहा था कि उसने कोर्ट में आर्यन की वॉट्सऐप चैट्स को सबमिट कर दिया है। NCB ने कहा था कि पुलिस को ड्रग से संबंधित वॉट्सऐप चैट्स मिली हैं जो कि कथित तौर पर आर्यन और एक डेब्यू ऐक्ट्रेस के बीच की हैं। हालांकि तब एनसीबी ने ऐक्ट्रेस के नाम का खुलासा नहीं किया था। लेकिन अब साफ हो गया है कि वह ऐक्ट्रेस अनन्या पांडे हैं।
फेस्टिव सीजन शुरू होते ही लोगों में सोना-चांदी खरीदने की होड़ लग जाती है। करवा चौथ और दिवाली के मौके पर कई लोग गोल्ड खरीदना चाहते हैं जिसका असर गोल्ड के रेट पर साफ दिख रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर दिसंबर वायदा गोल्ड फ्यूचर 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ यानी 164 रुपये की तेजी के साथ 47,548 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। सोना और चांदी दोनों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वहीं, पिछले कारोबारी दिन में सोना 47,548 प्रति 10 ग्राम के लेवल पर बंद हुआ था। इसके अलावा चांदी की कीमतों की बात करें तो यह 65,607 रुपये प्रति किलोग्राम के लेवल पर है। ग्लोबल मार्केट में हाजिर सोना 0.1 फीसदी गिरकर 1,800 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
मुंबई में तट के पास क्रूज जहाज से ड्रग्स जब्त किए जाने के मामले में बॉलीवुड अभिनेता शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान जेल में बंद हैं। कल मुंबई सेशंस कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी, जिसके बाद उनके वकीलों ने तुरंत बॉम्बे हाईकोर्ट में अपील दायर कर निचली अदालत के आदेश को चुनौती दे दी। अब उनके वकील ने बॉम्बे हाईकोर्ट में बेल की अर्जी दी है। वहीं बॉम्बे हाईकोर्ट में आर्यन खान की जमानत पर 26 अक्टूबर यानी मंगलवाक को सुनवाई होगी। जिसका मतलब है कि आर्यन को अभी 26 अक्टूबर तक जेल में ही रहना पड़ेगा। मालूम हो कि आर्यन खान के वकील सतीश मानशिंदे ने जज से शुक्रवार या सोमवार को बेल पर सुनवाई करने की अपील की थी लेकिन जिस्टिस साम्ब्रे ने सुनवाई को 26 अक्टूबर को फिक्स कर दी है। बता दें कि आर्यन खान अरबाज मर्चेंट सहित अन्य आरोपियों को मुंबई की ऑर्थर रोड जेल के बैरक नंबर एक में रखा गया था। बैरक नंबर 1 कोरोना काल में एक आइसोलेशन वार्ड के तौर पर तैयार किया गया है। जब भी कोई नया कैदी जेल में आता है तो उसे 1 हफ्ते तक आइसोलेशन वार्ड यानी बैरक नंबर एक में रखा जाता है। आर्यन खान सहित सभी आरोपियों को एक दूसरे से अलग कर अलग-अलग बैरक में रखा गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में हुई लगातार बारिश मैदानी इलाको में आफत बनकर बरसी है। इसी तरह उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश का कहर यूपी पर टूटा है। शारदा, रामगंगा, कोसी, मालन और गंगा में उफान और बनबसा, कालागढ़ समेत कई बांधों से पानी छोड़ने से मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बरेली और शाहजहापुर जिलों में सैकड़ों गांव डूब गए हैं। हजारों एकड़ खेत जलमग्न हैं और सैकड़ों लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया है। वायुसेना, एसएसबी, एसडीआरएफ भी बचाव कार्यों में जुटी है। वायुसेना ने पीलीभीत में शारदा की बाढ़ में फंसे 26 लोगों को बुधवार सुबह हेलिकॉप्टर से सुरक्षित स्थान पहुंचाया। रामनगर बैराज से छोड़े पानी से रामपुर में कोसी, पीलाखार, धौरी और भाखड़ा नदियां उफान पर हैं। तेज बहाव से रामपुर के तीन युवक कोसी में बह गए। दो को बचा लिया गया, एक की डूबकर मौत हो गई। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रामपुर-मुरादाबाद के बीच बुधवार को आवाजाही पांच घंटे बंद रही। रामपुर-मुरादाबाद के बीच साढ़े सात घंटे ट्रेनों की आवाजाही भी बंद रखी गई। गर्रा, खन्नौत, गंगा और रामगंगा नदियों में उफान से शाहजहांपुर बाढ़ की स्थिति है। कालागढ़ बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सतर्क किया गया है। बदायूं में नरौरा बैराज से एक लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी छोड़ने के बाद गंगा ने कछला में खतरे का निशान पार कर दिया है।
बुधवार को सेशन कोर्ट में आर्यन की जमानत याचिका खारिज हो गई थी। आर्यन खान केस में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो लगातार जमानत का विरोध कर रहा है। NCB की सभी दलीलें मुख्य रूप से वॉट्सऐप चैट पर आधारित हैं। अब आर्यन की जमानत के लिए उनके वकील ने बॉम्बे उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। ड्रग्स क्रूज शिप मामले में ड्रग्स के मामले में जेल में बंद बेटे आर्यन खान से शाहरुख खान मुंबई के आर्थर रोड जेल मिलने पहुंचे। कई दिनों से जेल में बंद बेटे से पहली बार शाहरुख मिलने पहुंचे। बेटे से मिलकर शाहरुख खान ने 15 मिनट तक बात की, जेल से बाहर आते हुए किंग खान ने मीडिया से बात करने से परहेज किया। एनसीबी ने शाहरुख के बेटे आर्यन खान, अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा को मादक पदार्थ रखने, इससे संबंधित साजिश, इसके सेवन, खरीद और तस्करी करने के आरोप में तीन अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। तीनों इस समय न्यायिक हिरासत में हैं। इतने दिनों से जेल में बंद आर्यन से पहली बार शाहरुख खान ने मुलाकात की है। अब तक शाहरुख की मैनेजर ही आर्यन का हाल चाल लेने जेल आ रही थीं। शाहरुख के पास अपने बेटे को जमानत दिलाने के लिए सात दिन का समय है। क्योंकि कोर्ट में जल्द ही दीवाली की छुट्टियां शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में आर्यन खान के वकीलों की कोशिश होगी कि जल्द से जल्द आर्यन की रिहाई की कोशिश करें। ऑर्थर रोड जेल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक आर्यन खान समेत सभी आरोपियों को गुरुवार को हाईकोर्ट नहीं ले जाया जाएगा बल्कि सभी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट रूम में पेश किया जाएगा। बुधवार को आर्यन की जमानत याचिका खारिज होने के बाद सतीश मानशिंदे ने हाई कोर्ट का रुख किया था।
उत्तराखंड में आई प्राकृतिक आपदा को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी चिंता में है। इसी के मद्देनजर केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार को देर रात देहरादून पहुंच गए। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केन्द्रीय मंत्री अजय भट्ट और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने केन्द्रीय गृहमंत्री का स्वागत किया। अमित शाह आज उत्तराखण्ड में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। जानकारी अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को आपदा प्रभावित स्थानों का पहले हवाई सर्वेक्षण करेंगे। उसके बाद जौलीग्रांट स्थित देहरादून एयरपोर्ट पर ही अधिकारियों की बैठक लेंगे और दिशा-निर्देश देंगे। प्रदेश भाजपा ने बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के सभी कार्यक्रम 24 अक्तूबर तक स्थगित कर दिए हैं। शहीद सम्मान यात्रा भी टाल दी गई है। कैबिनेट मंत्रियों ने भी अपने कार्यक्रम टाल दिए हैं।
क्रूज ड्रग्स पार्टी मामले में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को सेशंस कोर्ट से जमानत नहीं मिली है। अब उनके वकील ने कहा कि वो इसके लिए बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख करेंगे। सेशंस कोर्ट की ऑर्डर कॉपी मिलने के बाद हाईकोर्ट जाएंगे। आर्यन खान के अलावा अरबाज मर्चेंट और मुनमुन धमेचा की जमानत अर्जी भी कोर्ट ने खारिज कर दी। एक हफ्ते से ज्यादा समय से आर्यन खान ऑर्थर रोड जेल में साधारण कैदी की तरह रह रहे हैं। शुरुआत में जब आर्यन, अरबजा और मुनमुन को ऑर्थर रोड जेल में लाया गया थो कोविड प्रोटोकॉल के तहत उन्हें सात दिनों के आइसोलेशन में रखा गया था। जानकारी के मुताबिक, आर्यन खान ने वीडियो कॉल पर अपने परिजनों से बात भी की थी। 2अक्टूबर की रात को NCB ने आर्यन को गिरफ्तार किया था। तब से लेकर अब तक 17 दिन बीत चुके हैं लेकिन आर्यन ड्रग्स केस में जेल से बाहर नहीं आ पाया है। शाहरुख खान परिवार भी टेंशन में है। NCB को आर्यन के पास से ड्रग्स नहीं मिले हैं। लेकिन एनसीबी ने कोर्ट में दावा किया कि आर्यन कई साल से ड्रग्स ले रहा है। आरोप तो यहां तक लगाया गया कि आर्यन ड्रग्स के गिरोह से जुड़ा है। हालांकि बॉलीवुड से जुड़े लोग ही एनसीबी के दावों पर सवाल उठा रहे हैं। आमतौर पर इस तरह के केस में जल्दी जमानत हो जाती है पर आर्यन का केस कानूनी पेचिदगियों में ऐसा उलझा है कि 17 दिन से वो बाहर नहीं आ पाया। सेशंस कोर्ट ने भी 14 अक्टूबर को सुनवार कर फैसला सुरक्षित कर लिया था। लेकिन छुट्टियों की वजह से फैसला आज तक के लिए टल गया।
देश में लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। भारतीय तेल विपणन कंपनियों ने मंगलवार यानी 20 अक्टूबर 2021 को पेट्रोल और डीजल के दामों में 0.35 पैसे की बढ़ोतरी कर दी है। देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 106.19 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. वहीं डीजल इस बढ़ोतरी के बाद 94.92 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल 112.11 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं डीजल भी 102.89 रुपये बिक रहा है। मुंबई में डीजल के दामों में 0.37 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं पेट्रोल के दामों में भी 0.34 पैसे की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चेन्नई में पेट्रोल 103.01 रुपये लीटर बिक रहा है, तो कोलकात्ता में पेट्रोल का प्राइस 106.43 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुका है।
त्योहारी सीजन में सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। करवाचौथ और दिवाली से पहले बाजार में गोल्ड की मांग में तेजी देखने को मिल रही है, जिसका असर गोल्ड की कीमतों में साफ देखने को मिल रहा है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंजपर दिसंबर वायदा गोल्ड फ्यूचर 0.25 फीसदी की बढ़त के साथ यानी 117 रुपये की तेजी के साथ 47,397 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है। वहीं, पिछले कारोबारी दिन में सोना 47,280 प्रति 10 ग्राम के लेवल पर बंद हुआ था। इसके अलावा चांदी की कीमतों की बात करें तो यह 64,505 रुपये प्रति किलोग्राम के लेवल पर है। मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, दिवाली से दिसंबर तक सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है। इस अवधि में गोल्ड की कीमतें 57 हजार से लेकर 60 हजार तक जा सकती हैं। वहीं, चांदी की कीमतों में भी तेजी जारी रह सकती है। इस दौरान चांदी की कीमतें 76,000 से 82,000 रुपये प्रति किलो तक जा सकती हैं।
सब्जियों और फलों के बढ़ते दाम ने महिलाओं की रसोई का जायका बिगाड़ कर रख दिया है। दिन प्रतिदिन फलों और सब्जियों के बढ़ते रेट से इनको आम आदमी की पहुंच से बाहर कर दिया हैं। जिससे लोगों में सरकार के प्रति खासा रोष देखने को मिल रहा है। लोगों ने बताया कि आज टमाटर 80 रुपये किलो, गोभी 60 रुपये किलो, खीरा 40 रुप,ये किलो बैंगन 40 रुपयो किलो, शिमला मिर्च 120 रुपये किलो, मूली 40 रुपये किलो आलू 30 रुपये किलो बाजार में बिक रहा है। जिससे आम आदमी का जीना दूभर हो गया है यही हाल फलों का है केला 60 रुपये दर्जन वही सेब 100 रुपये से कम नहीं मिल रहा है। अनार उससे भी महंगा मिल रहा है कोई भी फल सस्ता नहीं मिल रहा है। लोगों ने केंद्र व प्रदेश सरकार को इसके लिए दोषी ठहराया है।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के छालिंग गांव की सोनम अंगमो ने जेईई एडवांस्ड की परीक्षा के एसटी वर्ग में पूरे देश मे 70वां रैंक प्राप्त किया है। सोनम को अब देश के टॉप आईआईटी में प्रवेश मिलना तय है। सोनम अंगमो और उनका परिवार मयाड़ घाटी के जिस छालिंग गांव में रहता है, वहां आजादी के दशकों बाद भी न तो मोबाइल नेटवर्क है और न ही इंटरनेट सुविधा। परिवार का पालन-पोषण खेतीबाड़ी से होता है। इसके बावजूद माता पदमा देचिन और पिता नोरबू का हौसला नहीं डगमगाया। अंगमो भी मजबूत हौसले और कुछ कर गुजरने के जज्बे को लेकर आगे बढ़ती रहीं। सोनम अंगमो ने पांचवीं तक की पढ़ाई राजकीय प्राथमिक स्कूल छालिंग से की है। इसके बाद अंगमो ने स्पीति के लरी नवोदय स्कूल में दाखिला पाया। 10वीं की पढ़ाई के बाद जेएनवी कुल्लू से 12वीं की परीक्षा पास की। उसके बाद जेईई मेन की परीक्षा दी। एडवांस परीक्षा की रैंकिंग के आधार पर दावा किया जा रहा है कि सोनम अंगमो को टॉप-5 आईआईटी में प्रवेश मिलेगा। वहीं, माता-पिता को अपनी बेटी की सफलता पर गर्व है। सोनम की इस कामयाबी से छालिंग गांव में खुशी का माहौल है। इससे पहले उन्होंने जेईई मेन्स की परीक्षा में 98.2 परसेंटाइल हासिल किए थे।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में एचआरटीसी बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।यह घटना शोरशन के समीप हुई। बस चालक ने सीट पर खड़ा होकर जोर से ब्रेक दबाने का भी प्रयास किया, लेकिन बस नहीं रुकी। चालक ने ब्रेक फेल होने की भनक सवारियों तक को नहीं लगने दी और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को लिंक रोड पर चढ़ा दिया। जिसके बाद बस की स्पीड कम हुई और धीरे-धीरे पीछे हटी। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई। इस दौरान बस का शीशा टूटने से दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुन्नी ले जाया गया है। चालक की सूझबूझ से बस को भी नुकसान नहीं हुआ। ये बस सलाणा से करसोग जा रही थी। बस मे में चालक-परिचालक सहित 13 लोग सवार थे। हादसे की सूचना क्षेत्रीय प्रबंधकसहित थाना करसोग को दी गई।


















































