दिल्ली के अलग अलग बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। इस आंदोलन की आवाज सड़क से लेकर संसद तक सुनाई दे रही है। विपक्ष किसान कानूनों के मुद्दे पर मनसून सत्र के दौरान हंगामा कर रहा है। इस बीच आज कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी इस किसान कानून विरोधी प्रदर्शन में शामिल हुए। राहुल गांधी आज खुद ट्रैक्टर चलाकर संसद भवन पहुंचे। राहुल जिस ट्रैक्टर से संसद भवन पहुंचे उस पर लाके रंग का बोर्ड लगा था। जिस पर 'किसान विरोधी तीनों काले कृषि कानून वापस लो, वापस लो' लिखा है। संसद पहुंचकर राहुल गांधी ने कहा कि हम किसानों का संदेश लेकर संसद आए हैं। किसानों की आवाज दबाई जा रही है। सरकार को कृषि कानून वापस लेने ही होंगे। ये कानून 2-3 बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। ये किसानों के फायदे के लिए नहीं हैं। ये काले कानून हैं। कृषि कानून के मुद्दे पर आज भी संसद में जोरदार हंगामे के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में सोमवार से चार दिन तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गत दिनों हुई बारिश से राज्य में अब भी दर्जनों सड़कें बंद हैं। सीजन के दौरान बागवानों को सेब मंडियों तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। राजधानी शिमला में रविवार को दिन भर बादल छाए रहे। न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य रहा। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों को नदी-नालों के किनारे और भूस्खलन वाले क्षेत्रों की ओर न जाने की हिदायत जारी की है। इसके अलावा प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए मशीनरी भी तैनात की है।
हिमाचल सरकार ने बिक्रम जरियाल को नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद उनकी जगह मुख्य सचेतक बनाया है। बिक्रम जरियाल चम्बा के भटियात से संबंध रखते है। जबकि हमीरपुर के भोरंज से कमलेश कुमारी को उप सचेतक बनाया गया है। विधानसभा से अधिसूचना जारी कर दी गई है। आपको बता दें कि 2 तारिख़ से प्रदेश में विधानसभा का मॉनसून सत्र भी शुरू होने जा रहा है जिससे पहले सरकार ने इनकी नियुक्तियां की है। प्रदेश में उपचुनाव की आहट के बीच सरकार ने फतेहपुर और उसके साथ लगते जवाली विधानसभा क्षेत्र से दो भाजपा नेताओं की भी निगम और बोर्ड में नियुक्ति कर दी है। भाजपा के ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के भरयाल गांव निवासी ओमप्रकाश चौधरी को प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
राजधानी शिमला में एचआरटीसी कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को भी जारी है। शिमला से आज चंडीगढ़, दिल्ली, धर्मशाला रूटों पर कोई बस नहीं चली। शिमला शहर के भीतर भी एचआरटीसी बस सेवा बंद है। जिला शिमला में एचआरटीसी बस सेवा पूरी तरह ठप है। हिमाचल परिवहन कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति ने आरएम का तबादला रद्द न करने पर पूरे प्रदेश में बसों का संचालन बंद करने का एलान किया है।वहीं हमीरपुर में भी एचआरटीसी कर्मचारियों ने प्राइवेट बसों को बस अड्डे के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया। गौरतलब है कि एचआरटीसी लोकल यूनिट और प्राइवेट बस ऑपरेटरों के बीच चल रहे विवाद के बीच शुक्रवार को अचानक एचआरटीसी प्रबंधन ने क्षेत्रीय प्रबंधक शिमला लोकल देवासेन नेगी का शिमला से नेरवा तबादला कर दिया था। चालकों-परिचालकों ने इसे निजी बस ऑपरेटरों के दबाव में लिया फैसला बताकर बसें खड़ी कर निगम मुख्यालय के बाहर धरना दे दिया था।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बारूदी सुरंग फटने से हमीरपुर का जवान शहीद हो गया। ग्राम पंचायत लगमनवी के गांव घुमारली का रहने वाला शहीद कमल वैद्य डोगरा रेजिमेंट में तैनात था। शहीद जवान अप्रैल में छुट्टी काट कर ड्यूटी पर लारैटा था। 27 वर्षीय जवान की अक्तूबर माह में शादी तय थी। घर पर विवाह की तैयारियां चल रही थीं। शहीद अपने पीछे माता-पिता, बड़ा भाई और दो बहनों को छोड़ गया है।
हिमाचल में बीते दिनों से हो रही बारिश से प्रदेश भर में भारी नुकसान हो रहा है। काँगड़ा के बाद अब कुल्लू जिला में भी कुदरत ने अपना कहर बरपाया है। देर रात कुल्लू जिले के आनी के खादवी व तराला गांव में बादल फटने और बारिश से भारी तबाही हुई है। इन गांवों को जाने वाली सड़क भी समासर के पास बंद हो गई है। कई सेब के पौधे नष्ट हुए हैं, घरों को भी नुकसान पहुंचा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 25 जुलाई के लिए प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 29 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने की संभावना जताई गई है। भूस्खलन होने से प्रदेशभर में 126 सड़कें बंद हैं। कुल्लू जिले में 12 सड़कों पर यातायात बंद है।
टोक्यो में चल रहे ओलंपिक खेलों का आज दूसरा दिन है। दूसरे दिन भारत के कई अहम मुकाबले हैं, जिसमें पदक मुकाबले भी शामिल हैं। इसमें तीरंदाजी, निशानेबाजी बैडमिंटन, हॉकी, जूडो, रोइंग, टेबल टेनिस, टेनिस, वेटलिफ्टिंग शामिल हैं। पढ़िए लाइव अपडेट ... वेटलिफ्टिंग- दूसरे नंबर पर रहीं मीराबाई वेटलिफ्टिंग में भारत के मेडल की उम्मीद बढ़ रही है। मीराबाई चानू स्नैच में 87 किलोग्राम भार उठाकर दूसरे पायदान पर रहीं। थोड़ी देर बाद क्लीन एंड जर्क का दूसरा चरण शुरू होगा। शूटिंग- फाइनल में पहुंचे सौरभ चौधरी 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट के फाइनल में सौरभ चौधरी ने जगह बना ली है। सौरभ चौधरी ने 586 का स्कोर हासिल किया। अभिषेक वर्मा हालांकि फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। मेन्स हॉकी- भारत का जीत के साथ आगाज मेन्स हॉकी में भारत ने जीत के साथ शुरुआत की है। भारत ने आखिरी क्वार्टर में अपनी बढ़त को कायम रखा और न्यूजीलैंड को 3-2 से मात देने में कामयाबी हासिल की. भारत के लिए बेहद ही शानदार शुरुआत है। हरमनप्रीत ने भारत के लिए दो गोल किए, जबकि एक गोल रुपेंद्र के खाते में गया. रविवार को भारत अपने दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा। जूडो में भारत को मिली निराशा जूडो में भारत की खिलाड़ी सुशीला देवी को राउंड ऑफ 32 में हार का सामना करना पड़ा है। सुशीला देवी को अपने पहले मुकाबले में हंगरी की इवा ने हराया। सुशीला देवी जूडो में भारत की ओर से हिस्सा ले रही एकमात्र खिलाड़ी हैं। टेबल टेनिस- मिक्स्ड डबल्स में भारत की चुनौती समाप्त टेबल टेनिस के मिक्स्ड डब्ल्स इवेंट में भारत के हाथ निराशा आई है। मनिका बत्रा और शरत कमल की जोड़ी को चीनी ताइपे जोड़ी ने मात दे दी है। इसके साथ ही मनिका बत्रा और शरत कमल का सफर मिक्स्ड डबल्स इवेंट में समाप्त हो गया है।
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमत में तेजी आई। आज सोना 256 रुपये बढ़कर 46,698 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वैश्विक बाजारों से भारत में पीली धातु प्रभावित हुई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, पिछले सत्र में सोने का दाम 46,442 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी की बात करें, तो इस दौरान चांदी में 662 रुपये की बढ़त आई और इसकी कीमत 66,111 रुपये प्रति किलो हो गई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 65,449 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का दाम 1,808 डॉलर प्रति औंस पर रहा जबकि चांदी का दाम 25.33 डॉलर प्रति औंस पर सपाट था। बीते वित्त वर्ष 2020-21 में सोने का आयात 22.58 फीसदी बढ़कर 34.6 अरब डॉलर या 2.54 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सोने का आयात चालू खाते के घाटे (CAD) को प्रभावित करता है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार घरेलू मांग बढ़ने से सोने का आयात बढ़ा है। वित्त वर्ष के दौरान चांदी का आयात 71 फीसदी घटकर 79.1 करोड़ डॉलर रह गया।
राष्ट्रीय युवा बाॅक्सिंग चैम्पियनशिप में किन्नौर की बेटी ने स्वर्ण पदक जीता है। हरियाणा राज्य के सोनीपत में आयोजित राष्ट्रीय युवा बाॅक्सिंग प्रतियोगिता में किन्नौर जिला की स्नेहा ने 66 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है जबकि 52 किलोग्राम भार वर्ग में रितू ने कांस्य पदक हासिल किया है। यह जानकारी बाॅक्सिंग कोच उपेन्द्र नेगी ने दी। उन्होनें बताया कि जिले से राष्ट्रीय युवा बाॅक्सिंग प्रतियोगिता में 3 खिलाड़ी भाग ले रहे है। जिनमें 2 युवतियां तथा 1 युवक शामिल है। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कुमारी स्नेहा को स्वर्ण पदक जीतने व रितू को कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। उन्होनें कहा कि उनकी इस जीत से प्रदेश सहित जिले का नाम रोशन हुआ है। इन खिलाडियों की जीत से जिला के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। उपायुक्त ने खेल विभाग व जेएसडब्लयु प्रबन्धन को भी बधाई दी है, जिनके संयुक्त प्रयासों ने जिले में खेल प्रतिभाओं को उभारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उपमण्डलाधिकारी शिमला शहरी मंजीत शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां विभागीय अधिकारियों के साथ दक्षिण-पश्चिम मानसून से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उन्होंने समस्त विभागीय अधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाईयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने नगर निगम शिमला तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बरसात के दौरान नालों व चैनलों को साफ करने के निर्देश दिए तथा डंगों व सड़क अवरूद्ध होने की स्थिति में तुरन्त कार्यवाही करते हुए सुचारू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को शिमला शहर में संवेदनशील जनसंख्या की मैपिंग करने के निर्देश दिए ताकि आपदा के समय उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जा सके। साथ ही आपदा पीड़ितों को तुरन्त राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। होमगार्ड तथा अग्निश्मन विभाग के अधिकारियों को आपदा के समय तुरन्त कार्यवाही करते हुए लोगों को सुरक्षा प्रदान करने को कहा। बिजली विभाग तथा वन विभाग के अधिकारियों को सामुहिक निरीक्षण कर खतरनाक पेड़ों को काटने के निर्देश दिए गए है ताकि बिजली की लाईनों के साथ-साथ आम जनमानस को भी खतरनाक पेड़ों से सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने जल शक्ति विभाग को बरसात के दौरान शहर में स्वच्छ जल मुहैया करवाने के निर्देश दिए ताकि जल जनित रोगों से जनता को बचाया जा सके। बैठक में नायब तहसीलदार शहरी हरि राम पंवर, एसडीओ एसजेपीएनएल शिमला महबूब शेख, एईएमसी शिमला गोपेश बेहल, स्टेशन फायर अधिकारी टेक चंद एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में मार्च 2021 में मंडी, कुल्लू और लाहौल- स्पीति जिलों के नवयुवकों के लिए आयोजित की गई खुली भर्ती में सफल उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा जो 25 जुलाई को बल्लभ राजकीय कॉलेज मंडी में होने जा रही थी उसे स्थगित कर दिया गया है। सेना भर्ती निदेशक मंडी, कर्नल एम राजा राजन ने बताया कि कोरोना वायरस और मानसून की वर्षा के दृष्टिगत इस परीक्षा को स्थगित किया गया है। जल्द ही परीक्षा की नई तारीख तय की जाएगी जिसको लेकर उम्मीदवारों को सूचित कर दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के सीमांत इलाकों की खड्डों से अवैध खनन कर ले जाया जा रहा रेत पंजाब की मंडियों में मंहगे दामों पर बेचा जा रहा है। पंजाब में बेचे जा रहे महंगे रेत का खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है। ऊना पुलिस की टीम ने पंजाब के जालंधर में खनन माफिया के अड्डे पर दबिश देकर अवैध खनन के रेत की तस्करी का पता लगाया है। जानकारी के अनुसार ऊना पुलिस ने कुछ दिनों पहले खानपुर के पास दबिश देकर अवैध खनन करते हुए 13 टिपरों को पकड़ा था। पुलिस ने अवैध खनन कर ले जाए जा रहे रेत का पता लगाने को लेकर ऊना पुलिस की टीम ने पंजाब के जालंधर में खनन माफिया के अड्डे पर दबिश। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि ऊना से अवैध खनन कर सस्ते रेट पर ले जाया जा रहा रेत पंजाब के जालंधर में रेत की मंडी लगाकर महंगे दामों पर रेत बेचा जा रहा है। खनन माफिया के लोगों ने जालंधर में नगर परिषद से किराए पर भूमि लेकर रेत मंडी लगाकर रेत बेच रहे हैं। मामले की पुष्टि एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने की है। बताया कि मंडियों में रेत बेच रहे लोग टिप्पर चालक को पैसे देकर सस्ते दामों पर हिमाचल से रेत मंगवा रहे हैं और पैसों के लालच में कई टिप्पर चालक रेत ले जाने के लिए दिन में दो-दो चक्कर भी लगा रहे हैं। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
भारत के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना के 'मैं भी ब्राह्मण हूं' वाले बयान पर अब सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है। ट्विटर पर कई लोग अब उनके इस बयान के समर्थन में उतर आए हैं। ट्विटर पर 'मैं भी ब्राह्मण' ट्रेंड कर रहा है। रैना ने पिछले दिनों तमिलनाडु प्रीमियर लीग के पांचवे सीजन के शुरुआती मैच में कमेंट्री के दौरान ये विवादित बयान दिया था। जिसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उन्हें बूरी तरह से ट्रोल किया था। अब बहुत से यूजर्स रैना के इस बयान के सपोर्ट में उतर आए हैं। मामले में ट्विटर पर कमेंट कर रहे कई यूजर्स का मानना है कि रैना ने खुद को ब्राह्मण बताकर कोई गलत बात नहीं की है। इस बात पर उनकी आलोचना पूरी तरह गलत है और किसी को भी उनके इस बयान पर बूरा नहीं मानना चाहिए। बता दें कि सुरेश रैना तमिलनाडु प्रीमियर लीग के शुरुआती मैच में कॉमेंट्री टीम में शामिल थे। इसी दौरान एक कमेंटेटर ने सुरेश रैना से दक्षिण भारत की संस्कृति को अपनाने को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में रैना ने कहा कि ब्राह्मण होने की वजह से उन्हें चेन्नई की संस्कृति अपनाने में बेहद आसानी हुई। सुरेश रैना ने कहा कि मुझे लगता है मैं भी ब्राह्मण हूँ। मैं 2004 से चेन्नई में क्रिकेट खेलता आ रहा हूं। मुझे दक्षिण भारत की संस्कृति से बेहद प्यार है। मैं अनिरुद्ध श्रीकांत, सुब्रमण्यम बद्रीनाथ और एल बालाजी के साथ क्रिकेट खेल चुका हूं। मैं 2008 से ही आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हूं।
पोर्न वीडियो बनाने के मामले में फंसे शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा की पुलिस हिरासत की अवधि 27 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। सोमवार देर रात क्राइम ब्रांच की पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। राज की गिरफ्तारी से पहले मड आइलैंड स्थित एक बंगले पर छापा मारा गया था जहां से क्राइम ब्रांच ने कुछ लोगों को पोर्न वीडियो की शूटिंग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। राज की पुलिस रिमांड शुक्रवार, 23 जुलाई को खत्म हो रही थी। पुलिस ने पूछताछ के लिए और सात दिन की हिरासत मांगी थी। जिसपर कोर्ट ने पुलिस रिमांड 27 जुलाई तक बढ़ा दी। मुंबई पुलिस को संदेह है कि राज ने पोर्नोग्राफी से कमाए गए पैसों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए किया था। इसलिए राज कुंद्रा के यस बैंक के खाते और यूनाइटेड बैंक ऑफ अफ्रीका के खाते के बीच की लेनदेन की जांच की जानी चाहिए। क्राइम ब्रांच का आरोप है कि राज कुंद्रा पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहे हैं। वह पुलिस के सवालों का सही-सही जवाब नहीं दे रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल- स्पीति स्थित चंद्रताल झील में डूबे युवक के मृत शरीर को खोजी दल द्वारा बरामद कर लिया गया है। लाहौल-स्पीति के उपायुक्त नीरज कुमार ने बताया कि खोजी दल द्वारा मृत शरीर को निकाल लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए काजा भेजा जा रहा है। उपायुक्त ने चंद्रताल झील की ओर जाने वाले पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे झील के समीप पहुंचने के बाद अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी एहतियात अवश्य बरतें। उपायुक्त ने यह भी कहा कि चूंकि बरसात का मौसम जारी है, ऐसे में तेज बारिश होने की सूरत में पर्यटक सावधानी बरतते हुए अनावश्यक ऐसी जगहों का रुख ना करें जहां उनकी सुरक्षा के लिए खतरा हो सकता है।
पंजाब कांग्रेस के बीच चली लम्बी अंतर्कलह के बाद आखिरकार नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान संभाली ली है। ताजपोशी के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया। अमरिंदर सिंह ने मंच से सिद्धू को बधाई दी। हालांकि सिद्धू ने किसानों के मुद्दे से लेकर ड्रग्स के मुद्दे पर बात रखी। सिद्धू ने कहा, 'मैं सबका आशीर्वाद लेकर सभी को साथ लेकर चलूंगा। मैं सरेआम कहता हूं मेरी चमड़ी मोटी है। मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मुझे सिर्फ एक ही चीज का जुनून है कि पंजाब कैसे ऊपर उठेगा। बता दें, सिद्धू और अमरिंदर सिंह के बीच पिछले कुछ समय से टकराव की खबरें आ रही थी। पिछले करीब चार महीनों में पहली बार सिद्धू और सिंह ने आज एक-दूसरे से मुलाकात की। अमृतसर (पूर्व) के विधायक सिद्धू ने पवित्र ग्रंथ की बेअदबी के मामले के लिए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री ने सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने का भी विरोध किया था और कहा था कि जब तक सिद्धू उनके खिलाफ अपमानजनक ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगेंगे वह उनसे नहीं मिलेंगे।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा की पत्नी राधिका के फेसबुक पेज पर लिखी एक पोस्ट काफी वायरल हुई है। उस पोस्ट में राधिका के ससुर सदर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल शर्मा पर कई गंभीर आरोप लिखे गए। हालांकि कुछ देर बाद पोस्ट पेज से गायब हो गई। इस पोस्ट में अनिल शर्मा की ओर से एक नोटिस की कापी थी, जिसमें होटल में चल रहे सैलून को खाली करने के लिए लिखा था। बता दें कि अनिल शर्मा परिवार का मंडी शहर में रीजेंट पाल्म्स होटल है। इसमें आश्रय शर्मा, उनकी माता और परिवार के अन्य सदस्य निदेशक हैं। इसी होटल में राधिका भी शादी के बाद से लगभग पिछले 33 महीनों से सैलून चला रही हैं। इसी सैलून को खाली करने के नोटिस की कापी इस पोस्ट में थी। उधर, देर शाम करीब नौ बजे राधिका के पति आश्रय शर्मा के फेसबुक पर पोस्ट वायरल हुई, जिसमें उन्होंने लिखा कि मेरी पत्नी का फेसबुक अकाउंट हैक हो गया है। उस अकाउंट से किसी ने हमारे पूरे परिवार को बदनाम करने की साजिश रची है। मेरा अनुरोध है कि आप उस अकाउंट से डाली पोस्ट को गंभीरता से न लें। हमारा परिवार एकजुट है और ऐसी कोई भी बात नहीं है जो उस पोस्ट के माध्यम से कही गई है। बता दें कि राधिका क्रिकेटर गौतम गंभीर की चचेरी बहन हैं। करीब छह साल पहले वह आश्रय के साथ परिणय सूत्र में बंधी हैं। वहीं, देवरानी अर्पिता खान शर्मा ने भी देर रात वायरल पोस्ट को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने ससुर अनिल शर्मा पर पर लगे आरोपों को निराधार बताया।। साथ ही अपनी जेठानी राधिका पर जमकर बरसीं। उधर, अनिल शर्मा ने इस पोस्ट को अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया।
हिमाचल प्रदेश में हर चुनाव में शहीद की पत्नी को पति का स्मारक बनाने के लिए नेता आश्वासन देते पर चुनाव के बाद सब भूल जाते। प्रदेश में न जाने कितनी सरकारें आई और गई लेकिन किसी ने आज तक अपना वादा पूरा नहीं किया। सरकारों और नेताओं ने नहीं सुना तो अब शहीद की पत्नी ने पाई-पाई जोड़कर इकट्ठे किए करीब 60 हजार रुपये से खुद ही पति का स्मारक बनवा दिया। दरअसल भवाई पंचायत के कुफर गांव के नायक कुलदीप सिंह 21 जुलाई 2001 को सियाचिन में ग्लेशियर की चपेट में आने से शहीद हो गए थे। उस समय उनके चार बच्चों में सबसे छोटी बेटी की उम्र दो वर्ष थी। शहीद की पत्नी फुलमा देवी ने अपने सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शहीद की पत्नी ने 20 वर्षों तक क्षेत्र में वोट मांगने आने वाले नेताओं से उम्मीद की थी कि वह उनके शहीद पति की याद में कोई कार्य करेंगे। लेकिन, ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। नेताओं की निष्क्रियता को देखते हुए फुलमा ने स्वयं ही पति की प्रतिमा बनाकर उन्हें श्रद्धांजलि देने का मन बनाया। उन्होंने राजस्थान जाकर शहीद पति की प्रतिमा बनवाई और गांव में उनकी याद को अमर कर दिया। शहीद की पत्नी फुलमा देवी ने बताया कि पति की शहादत के कुछ समय बाद अधरंग से उनका आधा शरीर बेकार हो गया। यदि सेना मदद न करती तो शायद मेरे बच्चे अनाथ हो जाते। उन्होंने कहा कि सरकार एवं स्थानीय नेताओं द्वारा शहीद की याद में कोई संस्थान एवं स्मारक न बनाए जाने का मलाल उन्हें हमेशा रहेगा।
मॉनसून सत्र में पेगासस जासूसी कांड, किसान आंदोलन, दूसरी लहर में कोरोना से मौत के मामले को लेकर अब तक दोनों सदन सुचारू ढंग से नहीं चल पाए हैं। गुरुवार को नौबत यहां तक आ पहुंच आई कि राज्यसभा में जब संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव पेगासस जासूसी कांड पर बयान दे रहे थे तो उनके हाथ से स्टेटमेंट का पेपर छीनकर टीएमसी सांसद शांतनु सेन ने फाड़कर उपसभापति की तरफ उछाल दिया। संचार मंत्री के हाथ से पेपर छीनकर फाड़ने वाले शांतनु सेन को राज्यसभा से सस्पेंड कर दिया है। सरकार की ओर से उनके निलंबन का प्रस्ताव रखा गया था. फिलहाल विपक्ष के हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित है।
जासूसी कांड को लेकर सरकार पर विपक्ष लगातार हमलावार है। इसी बाबत राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने पेगासस का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार के तौर पर किया है। मेरा भी फोन टैप हुआ है। उन्होंने कहा कि जासूसी कांड पर विपक्ष एकजुट है। इस पूरे प्रकरण के लिए सरकार जिम्मेदार है। इस कारनामे पर गृहमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री के खिलाफ जांच होनी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि क्या हम, आप पेगासस खरीद सकते हैं? कौन इसे खरीद सकता है, कौन इसका इस्तेमाल कर सकता है, ये सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। किसानों के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि तीनों नए कृषि कानून वापस होने चाहिए, बातचीत से कोई हल नहीं निकलना है।
मुंबई के शिवाजी नगर में बड़ा हादसा हो गया है। यहां एक इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए है जानकारी के मुताबिक सुबह पांच बजे के करीब शिवाजी नगर के गोवंडी इलाके में दो मंजिला इमारत अचानक गिर गई। इस इमारत में 13 लोग रह रहे थे। घायल 10 लोगों में से कुछ की हालत गंभीर बतायी जा रही है। गौरतलब है कि मुंबई और आस पास के इलाकों में बीते पांच दिन काफी बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्रशासन को कई जगहों पर जलभराव के समस्या से भी दो-चार होना पड़ रहा है। गुरुवार को मुंबई के कुछ इलाकों में लोकल ट्रेन सेवा भी कुछ देर के लिए प्रभावित हुई। हालांकि कुछ समय के बाद ही हालात सामान्य हो गए थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में एसओपी का सख्ती से पालन करते हुए 2 अगस्त से 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षाओं के लिए स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया है। एसओपी का पालन करते हुए आवासीय और आंशिक रूप से आवासीय स्कूल भी इन कक्षाओं के लिए खुलेंगे। विश्वविद्यालयों के अधिकारियों द्वारा अधिसूचित तारीखों के अनुसार विश्वविद्यालयों में शोधार्थियों को अनुमति दी जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि 5वीं और 8वीं कक्षा के छात्रों को 2 अगस्त से संदेह निवारण के लिए स्कूलों में जाने की अनुमति दी जाएगी। यह भी निर्णय लिया गया कि कोचिंग, ट्यूशन और प्रशिक्षण संस्थानों को भी इस साल 26 जुलाई से एसओपी का पालन करके काम करने की अनुमति दी जाएगी। मंत्रि-परिषद ने लोगों की सुविधा के लिए कुल्लू जिले के निरमंड और शिमला जिले के जुब्बल और कोटखाई में तीन अनुमंडल कार्यालय खोलने का निर्णय लिया है । बैठक में क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए पावंटा साहिब के विकास खंड का पुनर्गठन करके सिरमौर जिले के तिरलोधर में नया विकास खंड खोलने को भी अपनी मंजूरी दी है। सुंदरनगर एवं बल्ह विकास खण्डों का पुनर्गठन कर मण्डी जिले के शेगली में नवीन विकास खण्ड धनोटू खोलने की स्वीकृति प्रदान की। कैबिनेट ने हिमाचल प्रदेश में कनिष्ठ कार्यालय सहायक (आईटी) के 100 पदों को सीधी भर्ती के माध्यम से भरने की मंजूरी दी है। बैठक में कोटखाई क्षेत्र के टिक्कर में फायर पोस्ट खोलने का भी निर्णय लिया गया है। मंत्रि-परिषद ने कांगड़ा जिले के संसारपुर टैरेस में मेसर्स प्रीमियर अल्कोबेव प्राइवेट लिमिटेड संसारपुर टैरेस के पक्ष में कांगड़ा जिले के संसारपुर टैरेस में प्रतिदिन 250 किलो लीटर इथेनॉल संयंत्र स्थापित करने के लिए आशय पत्र जारी करने को भी मंजूरी दी। शिमला जिले के जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र के टिक्कर में फायर पोस्ट खोलने का भी निर्णय लिया। कैबिनेट ने महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भराड़ी बिलासपुर को सह-शैक्षिक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में परिवर्तित करने व दोनों ट्रेडों को मैकेनिक मोटर व्हीकल एवं फिटर में सर्वेयर एवं कार्यालय सहायक कम कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद परिवर्तित करने को भी अपनी सहमति प्रदान की। मंत्रिमंडल ने कांगड़ा जिले में नए स्तरोन्नत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गढ़-जमूला के सुचारू संचालन के लिए तीन अतिरिक्त पद भरने की मंजूरी दी। मंत्रिमंडल ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में चालकों के तीन पदों को दैनिक वेतन भोगी आधार पर भरने का निर्णय लिया। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में चैकीदार के 5 पद दैनिक वेतन भोगी आधार पर भरने का भी निर्णय लिया गया है। मंत्रिमंडल ने बिलासपुर जिला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ का नाम बदलकर शहीद सुबेदार संजीव कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ रखने को भी अपनी स्वीकृति प्रदान की। शहीद सुबेदार संजीव कुमार को उनकी वीरता एवं साहस के लिए मरणोपरांत शहीद सम्मान कीर्ति चक्र से सम्मानति किया गया था। राज्य में कोविड-19 की स्थिति, कोरोना महामारी की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों और शिक्षा बोर्ड के परीक्षा परिणाम, यूजीसी के दिशा-निर्देशों व शिक्षा संस्थानों को खोलने पर भी मंत्रिमंडल के समक्ष प्रस्तुति दी गई।
सोलन के धर्मपुर में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहाँ खेल-खेल में 11 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक बच्चा गांव रुंदन घोड़ों, ग्राम पंचायत बड़ोग, डाकघर कुमारहट्टी का रहने वाला था। दरसल, तनीष ने घर के पास पेड़ पर झूला लगाया हुआ था। झूला झूलते समय अचानक उसका गला रस्सी में लिपट गया। परिजनों द्वारा बच्चे को एमएमयू अस्पताल सुल्तानपुर ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कृषि कानून और जासूसी कांड को लेकर संसद के दोनों सदनों में तीसरे दिन भी हंगामा होता रहा। इस वजह से संसद की कार्यवाही चल नहीं पा रही। विपक्ष के हंगामे के बाद लोकसभा को शाम 4 बजे तक और राज्यसभा को कल तक के लिए स्थगित किया गया है। गुरुवार को संसद शुरू होने के कुछ ही देर के बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। इसके बाद दोनों सदनों की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। दो बजे भी विपक्ष का हंगामा जारी रहा। इसके बाद तीसरी बार सदन स्थगित कर दी गई। उधर, लोकसभा में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश होने हैं। लोकसभा में शुक्रवार को विचार और पारित किए जाने वाले विधेयकों में फेक्टर विनियमन (संशोधन) विधेयक 2020, राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता और प्रबंध संस्थान विधेयक 2021 है। इसी तरह से लोकसभा में आज अंतदेर्शीय जलयान विधेयक 2021 और अनिवार्य रक्षा सेवा विधेयक 2021 को फिर से पेश किया जाना है।
इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने टैक्स चोरी के आरोपों में मीडिया समूह दैनिक भास्कर के विभिन्न शहरों में स्थित परिसरों पर गुरुवार को छापे मारे। ये छापेमारी भोपाल, जयपुर, अहमदाबाद और कुछ अन्य स्थानों पर की जा रही है। इन छापों को लेकर विपक्ष सरकार के खिलाफ एकजुट हो गया है। पहले राज्यसभा में इस मुद्दे पर जमकर हंगामा किया और फिर ट्वीट कर भी मोदी सरकार पर निशाना साधा गया। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा है कि भास्कर के साथ-साथ अब भारत समाचार चैनल के मुख्य एडिटर व वरिष्ठ पत्रकार, ब्रिजेश मिश्रा के घर पर भी इनकम टैक्स रेड हो रही है। जब सरकार कलम और कैमरा से इतनी डर जाए तो ऐसी सरकार का पतन निश्चित है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, "पत्रकारिता पर मोदी शाह का प्रहार!! मोदी शाह का एक मात्र हथियार आईटी ईडी सीबीआई। मुझे विश्वास है अग्रवाल बंधु डरेंगे नहीं। वहीं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भास्कर और भारत समाचार न्यूज चैनल के कार्यालयों पर आयकर विभाग के छापों की आलोचना करते हुए इसे केंद्र सरकार द्वारा मीडिया को दबाने का प्रयास बताया। गहलोत ने ट्वीट किया, "दैनिक भास्कर अखबार और भारत समाचार न्यूज चैनल के कार्यालयों पर इनकम टैक्स का छापा मीडिया को दबाने का एक प्रयास है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने ट्वीट कह कहा, "पत्रकारों और मीडिया घरानों पर हमला लोकतंत्र को कुचलने का एक और क्रूर प्रयास है। दैनिक भास्कर ने बहादुरी से बताया किस तरह से नरेंद्र मोदी जी ने पूरे कोविड संकट को गलत तरीके से संभाला और एक भयंकर महामारी के बीच देश को उसके सबसे भयावह दिनों में ले गए। मैं इस प्रतिशोधी कृत्य की कड़ी निंदा करती हूं जिसका उद्देश्य सत्य को सामने लाने वाली आवाजों को दबाना है।"
किसानों के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि देश गवाह है कि ये कृषि कानून बेहद जरूरी और किसानों के हित में हैं। हमने इन कानूनों पर विस्तृत चर्चाएं की हैं। अगर किसान इन कानूनों को लेकर अपनी समस्या बिंदुवार रखते हैं तो हम बातचीत के लिए तैयार हैं। वंही, किसानों के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी तीन कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया है। राहुल कुछ कांग्रेस सांसदों के साथ संसद परिसर में स्थित गांधी प्रतिमा के सामने कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा और मंडी जिला में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बनने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है आने वाले दिनों में भी बारिश का क्रम जारी रहेगा। हालांकि, प्रदेश के हर क्षेत्र में बारिश की संभावना कम है। कांगड़ा जिला में बारिश पहले ही तबाही मचा चुकी है। अब मौसम विभाग ने भी आज भारी से भारी बारिश व बाढ़ तक की चेतावनी दी है। ऐसे में जिला प्रशासन ने कांगड़ा जिला प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। 12 जुलाई से कांगड़ा जिला में भारी बारिश कहर मचा रही है। मौसम विभाग ने कहा कि कांगड़ा जिला में बाढ़ आने की आशंका है। प्रदेश में 26 जुलाई के बाद मानसून ज्यादा सक्रिय होगा।
देश में आज सोने की कीमत में गिरावट देखी गई, जिसके बाद 22 कैरट सोने की कीमत 47040 प्रति 10 ग्राम हो गई। कल 22 कैरेट सोने की कीमत 47,410 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं चांदी का भाव भी घटकर 67101 रुपये प्रति किलो पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी स्पॉट गोल्ड के दामों में 0.1 फीसदी की मामूली गिरावट देखी गई। आज इसमें 0.18 प्रतिशत की बढ़त देखी गई है और इसका रेट 1801.82 डॉलर प्रति औंस दर्ज किया गया है।
कृषि क़ानून और जासूसी कांड को लेकर आज भी संसद में हंगामा हुआ। इसकी वजह से संसद की कार्यवाही चल नहीं पाई। संसद शुरू होने के कुछ ही देर के बाद लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। उधर कृषि क़ानूनों के विरोध में किसान संगठन भी आज से दिल्ली के जंतर मंतर पर किसान संसद लगा रहे हैं। किसान संसद में शामिल होने के लिए 200 किसानों को पुलिस की तरफ़ से इजाज़त मिली है। वंही, आज दोपहर 1 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक संसद भवन में होगी। बैठक में लद्दाख में केंद्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए एक बिल को मंज़ूरी मिल सकती है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में एफडीआई को लेकर भी भी फ़ैसला हो सकता है।
कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग को लेकर बीते आठ महीनों से आंदोलन कर रहे किसान संगठन आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने इसे 'किसान संसद' का नाम दिया है। संसद के मानसून सत्र के बीच तीन कृषि कानूनों के खिलाफ जंतर-मंतर पर किसानों के विरोध को देखते हुए सिंघू बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया है। किसान सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक विरोध प्रदर्शन करेंगे। कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसान यूनियनों का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा को इस बारे में एक शपथपत्र देने के लिए कहा गया है कि सभी कोविड नियमों का पालन किया जाएगा और आंदोलन शांतिपूर्ण होगा। किसानों को प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस ने कोई लिखित इजाजत नहीं दी है। हालांकि दिल्ली सरकार से उन्हें धरना-प्रदर्शन की औपचारिक इजाजत मिली है। इस आदेश के मुताबिक आज से लेकर 9 अगस्त तक सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक 200 प्रदर्शनकारी धरना दे सकते हैं। गौरतलब है कि दिल्ली में इस समय आपदा प्रबंधन कानून लागू है, जिसके चलते कहीं भी कोई जमावड़ा नहीं हो सकता। लेकिन किसानों के आंदोलन के लिए दिल्ली सरकार ने दिशानिर्देशों में संशोधन किया और इजाजत दी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आज बाद तीन बजे से राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ शिमला में कैबिनेट की बैठक होगी। बैठक में पंजाब, हरियाणा, गुजरात और मध्य प्रदेश की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोले जाने पर फैसला हो सकता है। इसके अलावा अगस्त से कोचिंग संस्थान खोलने के भी आसार हैं। हरियाणा ने बीते दिनों नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खोल दिए हैं। मध्य प्रदेश सरकार ने 11वीं और 12वीं के स्कूलों को 26 जुलाई से खोलने का एलान किया है। गुजरात में 12वीं कक्षा के स्कूल 15 जुलाई से खुल गए हैं। उत्तर प्रदेश और पंजाब ने भी स्कूल खोलने का फैसला लिया है। इसी तर्ज पर हिमाचल प्रदेश सरकार भी इस पर फैसला ले सकती है। शिक्षा विभाग ने स्कूल खोलने के लिए दो विकल्प सरकार को भेजे हैं। पहले विकल्प में बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को परिजनों के सहमति पत्र पर सिर्फ शिक्षकों से परामर्श लेने के लिए बुलाने की बात कही है। दूसरे विकल्प में 50 फीसदी क्षमता के साथ विद्यार्थियों को बुलाने की योजना है।
हिमाचल प्रदेश में करीब 19 दिन बाद आज से 18 से 44 आयु वर्ग के युवाओं को दोबारा कोरोना वैक्सीन लगना शुरू हो गया है । 19 जुलाई से प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे ने सूबे के 700 सेंटरों पर 18 साल से ऊपर के सभी लोगों के लिए कोविड वैक्सीनेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग के पास एक सप्ताह के लिए पांच लाख वैक्सीन का कोटा है। सोमवार से सूबे के 700 केंद्रों में सुबह 10:00 से शाम 5:00 बजे तक टीका लगाया जाएगा। हर दिन 75000 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है। रविवार को सीएमओ और बीएमओ कार्यालय से वैक्सीनेटर सप्लाई सौंप दी गई है। शहरी क्षेत्रों में स्लॉट बुकिंग पर ही वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए एक दिन पहले ही स्लॉट की बुकिंग होगी। यह बुकिंग दोपहर 12:00 से 1:00 बजे तक होगी। स्वास्थ्य विभाग ने 2500 स्वास्थ्य कर्मियों की फील्ड ड्यूटियां भी लगाई हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य में 30 जून से युवाओं का टीकाकरण अभियान रुका हुआ था। राज्य के पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं थी। अब 5 लाख से ज्यादा वैक्सीन डोज उपलब्ध होने पर यह अभियान शुरू हो रहा है।
नर्सरी टीचर ट्रेनिंग करने वालों और आंगनबाड़ी वर्करों के लिए एक बड़ी खबर है। इन दोनों को ही जल्द प्री प्राइमरी शिक्षक बनने का मौका मिलने वाला है। नर्सरी और केजी कक्षा के लिए शिक्षक भर्ती के लिए विभाग के अधिकारी आरएंडपी नियम बनाने में जुट गए हैं। प्री प्राइमरी स्कूलों में चार हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती के लिए केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी मिलने का इंतजार है। अप्रैल में प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने प्री प्राइमरी स्कूलों में शिक्षक भर्ती के लिए नर्सरी टीचर ट्रेनिंग (एनटीटी) अनिवार्य करने का प्रस्ताव भेजा था। एनटीटी कर चुकीं महिलाएं लंबे समय से उन्हें इन स्कूलों में नियुक्ति देने की मांग कर रही हैं। उधर, आंगनबाड़ी वर्कर भी नियुक्ति की मांग को लेकर संघर्षरत हैं। दोनों संगठनों ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान प्रदर्शन भी किए थे। ऐसे में सरकार ने विभागीय अधिकारियों पर मामले पर दोबारा विचार करने के लिए कहा था। अब नए सिरे से बन रहे प्रस्ताव में नर्सरी टीचर ट्रेनिंग करने वालों के साथ आंगनबाड़ी वर्करों को भी भर्ती में शामिल किया जा रहा है। कितने पद किस श्रेणी के लिए दिए जाएंगे, इसको लेकर मंथन जारी है। मंत्रिमंडल की बैठक में भी यह प्रस्ताव लाया जाना है। विभागीय अधिकारियों की ओर से तैयार प्रस्ताव में दस विद्यार्थियों से अधिक संख्या वाले स्कूलों में शिक्षक भर्ती करने, शिक्षकों के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष तय करने की सिफारिश भी की गई है।
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में गुरुवार रात को कुएं में फिसलकर गिरी एक बच्ची को बचाने के लिए उसकी मेड़ पर खड़े दो दर्जन से ज्यादा लोग अचानक मिट्टी धंसने से कुएं में गिर गए और मलबे में दब गए। इनमें से 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, वहीं चार लोगों की मौत हो गई है। बचाव कार्य मध्यरात्रि के बाद भी जारी रहा। घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि कुल कितने लोग इस मलबे में दबे हैं। यह कुआं करीब 50 फुट गहरा है और इसमें लगभग 20 फुट तक पानी बताया गया है। वहीं, इस हादसे में कुएं में गिरने के बाद बचाए गए दो लोगों ने बताया कि कुएं में गिरी एक बच्ची को बचाते समय यह हादसा हुआ। उसे बचाने के लिए कुछ लोग इस कुएं में उतर गए, जबकि करीब 40-50 लोग उनकी मदद करने और देखने के लिए कुएं की मेड़ और छत पर खड़े हो गए। इसी बीच कुएं की छत ढह गई, जिससे करीब 25-30 लोग कुएं में गिर गए।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले जरूरतमंद बच्चों को एक क्लिक से स्मार्ट फोन देने की योजना शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने सचिवालय से स्मार्ट फोन डोनेट करने की वेबसाइट का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और बॉलीवुड अभिनेत्री यामी गौतम वर्चुअल तौर पर जुड़े। योजना शुरू होने से पहले ही उद्योगपतियों और बैंकर्स ने शिक्षा विभाग को 1150 स्मार्ट फोन दे दिए हैं। कोरोना संकट के चलते प्रदेश में मार्च 2020 से बंद चल रहे स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई करवाई जा रही है। कमजोर वर्ग के कई विद्यार्थियों की स्मार्ट फोन न होने के चलते पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसको देखते हुए समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय ने समाज की सहभागिता से ऐसे विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट फोन एकत्र करने को योजना शुरू की है। योजना को डिजिटल साथी-बच्चों का सहारा, फोन हमारा अभियान का नाम दिया गया है।
फिल्म और टेलीविजन में अपनी खास पहचान बना चुकीं सुरेखा सीकरी ने शुक्रवार यानी 16 जुलाई को 75 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। मशहूर सीरियल बालिका वधू में दादी सा की भूमिका निभाने वाली सुरेखा के निधन से हिंदी टीवी जगत में शोक की लहर है। बता दें कि 73 साल की उम्र में उन्होंने अपना पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता। सुरेखा सीकरी को यह अवॉर्ड 'बधाई हो' फिल्म के लिए मिला है। इस फिल्म में सुरेखा ने दादी का किरदार निभाया था। इस फिल्म में न केवल सुरेखा के डायलॉग जबरदस्त थे बल्कि उनकी एक्टिंग का भी कोई तोड़ नहीं था। सीकरी ने ‘तमस’, ‘मम्मो’, ‘सलीम लंगड़े पे मत रो’, ‘ज़ुबेदा’, ‘बधाई हो’ जैसी फिल्में की हैं और धारावाहिक ‘बालिका वधू’ में निभाए उनके ‘दादी सा’ के किरदार को भी काफी लोक्रपियता मिली थी। सुरेखा सीकरी को टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री में कुल 43 साल बिताए। इस लंबे सफर में सुरेखा सीकरी ने कॉमेडी से लेकर गंभीर हर किरदार में ऐसी ढली की वह सभी के लिए मिसाल बन गई। सुरेखा सीकरी थियेटर आर्टिस्ट भी थी। साल 1978 में सुरेखा ने राजनीतिक ड्रामे पर आधारित फिल्म 'किस्सा कुर्सी का' से करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई सारी हिंदी और मलयालम फिल्मों के अलावा टीवी सीरियल किए।
सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से कांवड़ यात्रा को अनुमति देने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा है। कोर्ट ने साफ-साफ कहा है कि यूपी सरकार अपने आदेश पर पुनर्विचार करें, नहीं तो हमको जरूरी आदेश देना पड़ेगा। हालांकि सुनवाई से पहले केंद्र सरकार ने हलफनामा दायर कर कहा कि वो इस वक्त कांवड़ यात्रा के पक्ष में नहीं है। हलफनामे में केंद्र ने कहा कि कांवड़ लेकर अपने इलाके के मंदिर में जाने से बेहतर होगा कि टैंकर के जरिए जगह-जगह गंगाजल पहुंचाया जाए। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर किया कि कोविड के मद्देनजर राज्य सरकारों को हरिद्वार से 'गंगा जल' लाने के लिए कांवड़ियों की आवाजाही की अनुमति नहीं देनी चाहिए। हालांकि धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकारों को टैंकरों के माध्यम से 'गंगा जल' उपलब्ध कराने चाहिए। टैंकर चिन्हित/निर्धारित स्थानों पर उपलब्ध हों ताकि आस-पास के भक्त 'गंगा जल' को इकट्ठा कर सकें और अपने नजदीकी शिव मंदिरों में 'अभिषेक' कर सकें। इस दौरान राज्य सरकारों को सुनिश्चित करना चाहिए कि कोरोना नियमों का पालन किया जाए।
हिमाचल प्रदेश में गुरुवार से आधिकारिक रूप में सेब सीजन शुरू हो गया है। शिमला की ढली मंडी और ठियोग की पराला मंडी से करीब 88000 पेटी सेब देश की बड़ी मंडियों को रवाना की जा चुकी हैं। अर्ली वैरायटी की करीब एक लाख पेटियां अब तक मार्केट में पहुंच चुकी हैं। पिछले सीजन में इस समय 60000 पेटी मंडियों में पहुंची थी। इससे पहले कुल्लू के बागवान अपने स्तर पर ही क्रेट में सेब बेच रहे हैं। अब ऊपरी शिमला के बागवानों को राहत तो मिलेगी ही इसके साथ ही वे आर्थिक नुकसान से भी बचेंगे। नई व्यवस्था से बागवानों को प्रति किलो 7 रुपये लाभ मिलेगा। बागवानों को यह क्रेट बाजारों में 90 रुपये के दाम पर मिलेगा। हालांकि, कुछ बागवान नाराज हैं कि यह सेब का नहीं टमाटर का क्रेट है। इसमें नया कुछ नहीं है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस अब राज्य की सीमा में दाखिल होने से पहले पर्यटकों के वाहनों की तलाशी लेगी। डीजीपी संजय कुंडू ने हाल के दिनों में पर्यटकों के हंगामा करने और लाठी व तलवारों से लोगों को नुकसान पहुंचाने के मामलों के सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों को पर्यटकों की तलाशी लेने के निर्देश जारी कर दिए हैं। नाकों पर तैनात अधिकारियों को कोई संदिग्ध लगता है तो उसकी तलाशी लिए बिना प्रदेश में प्रवेश न करने दें। इन घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। कुंडू ने बताया कि चेकिंग के लिए अतिरिक्त फोर्स भी जिलों को मुहैया कराई जा चुकी है।
विधानसभा क्षेत्र धर्मशाला के विधायक विशाल नैहरिया और उनकी एचएएस पत्नी के बीच झगड़े का मामला अब धर्मशाला कोर्ट में पहुंच गया है। कोर्ट ने विधायक नैहरिया को 31 अगस्त को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा है। इसके लिए उन्हें कोर्ट से नोटिस जारी किया गया है। गौरतलब है कि पिछले माह सुर्खियों में रहा विधायक और उनकी पत्नी के बीच चला विवाद अब न्यायालय पहुंच गया है। एचएएस पत्नी ने एसपी कांगड़ा के पास पति विधायक विशाल नैहरिया के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत कर सुरक्षा की मांग की थी। अब उन्होंने विधायक पति से कानूनी रूप से अलग होने की मांग करते हुए याचिका दायर की है।
गुरुवार को सोना वायदा भारी उतार चढ़ाव के साथ बंद हुआ। गुरुवार को इंट्रा डे में सोना 48500 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर भी गया था। आज सोना अगस्त वायदा 100 रुपये की हल्की कमजोरी के साथ 48300 के लेवल पर कारोबार कर रहा है। सोना इस हफ्ते अबतक 500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक महंगा हो चुका है। पिछले साल कोरोना संकट की वजह से लोगों ने सोने में जमकर निवेश किया था, अगस्त 2020 में MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव 56191 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। आज सोना अगस्त वायदा MCX पर 48300 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर है, यानी अब भी करीब 7900 रुपये सस्ता मिल रहा है। चांदी का सितंबर वायदा गुरुवार को इंट्रा डे में 69889 रुपये प्रति किलो तक गया था, अंत में करीब 280 रुपये की मजबूती के साथ 69680 रुपये प्रति किलो पर बंद हुआ। आज भी चांदी वायदा करीब 100 रुपये की मजबूती दिखा रहा है। इस हफ्ते चांदी अबतक करीब 400 रुपये प्रति किलो महंगी हो चुकी है। लेकिन एक बार भी 70,000 रुपये के पार क्लोजिंग नहीं हुई है।
मुंबई में आज सुबह से रुक-रुककर तेज बारिश हो रही है जिसके चलते कई निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। अंधेरी, कुर्ला, हिंदमाता, सायन, और चेंबूर में सड़कों पर पानी भर गया है। पानी की वजह से अंधेरी सबवे और मलाड सबवे को बंद करना पड़ा है। बारिश का लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा। हार्बर लाइन पर सीएसटी और मानखुर्द के बीच लोकल सेवा ठप पड़ गई है। गोरेगांव के शास्त्रीनगर में बारिश के चलते कॉलोनी में कमर तक पानी भर गया है। कई गाड़ियां डूब गई हैं।विद्याविहार-कुर्ला के बीच लोकल देरी से चल रही है। ट्रांस हार्बर लाइन पर भी लोकल 20-25 मिनट लेट है। मौसम विभाग ने आज भारी बारिश की चेतावनी दी है, कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश भी हो सकती है। भारी बारिश की वजह से मुंबई में मीठी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बाढ़ के खतरे को देखते हुए नदी के पास रहने वाले करीब 12 सौ लोगों को बीएमसी स्कूल में शिफ्ट किया गया है।
कोरोना के बाद अब प्रदेशवासियों को प्रकृति की मार झेलनी पड़ रही। बीते दिनों से हो रही बारिश से लोगों का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में भारी बारिश का कहर देखने को मिला है। सैंज में बादल फटने से बाढ़ आ गई। जिससे नदी और नाले उफान पर हैं। एक गांव में घरों में मलबा घुस गया है। कुल्लू जिले में भारी बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं। वहीं, कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। फिलहाल सड़कें खोलने का काम शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार, कुल्लू जिला की सैंज में भारी बारिश से ग्राम पंचायत भलाण-2 के जौली नाले में बाढ़ आ गई। बताया जा रहा कि गांव बाल-बाल बच गया है। रात करीब 3 बजे बाढ़ आने से अफरा तफरी मच गई। गनीमत ये है कि घटना में जान-माल का नुकसान नहीं है। लोगों की खड़ी फसल को नुकसान हुआ है। गांव के पांच घरों में नाले का मलबा घुस गया है।
केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के विजन पर हिमाचल में काम शुरू हो गया है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी और पर्यटन विभाग ने मंथन शुरू कर दिया है। प्रदेश में अब जो भी नेशनल हाईवे और फोरलेन बनेंगे, उनके किनारों पर ऐसे स्थान तलाशे जाएंगे, जहां पर्यटन की संभावनाएं विकसित हों। स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। हाल ही में अपने कुल्लू दौरे के दौरान गडकरी ने इस संबंध में हिमाचल सरकार को टिप्स दिए थे। जिन पर काम शुरू हो गया है। आगामी कैबिनेट की बैठक में इस मामले को लाया जा सकता है। नितिन गडकरी ने कहा था कि प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। हिमाचल प्रदेश स्विट्जरलैंड से कम नहीं है, पर यह तब तक विकसित नहीं होगा, जब तक यहां पर सड़कें दुरुस्त नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में लाए। केंद्र सरकार की ओर से इसमें भरपूर मदद की जाएगी।
हिमाचल में15 जुलाई से 5000 करोड़ के सेब सीजन में तेजी आएगी। प्रदेश में सेब ढुलाई के लिए ट्रकों की आवाजाही को सुचारु करने के लिए दो नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिए हैं। प्रदेश में पिछले साल ढाई करोड़ पेटी सेब का उत्पादन हुआ था। इस बार सीजन में करीब चार करोड़ पेटी सेब पैदावार होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। सेब सीजन में बागवानों को कार्टन की दिक्कत न हो और सेब ढुलाई के लिए ट्रकों की समस्या न रहे इसके लिए सरकार ने व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। लदानियों का पंजीकरण किया जा रहा है और क्रेटों की बिक्री पर भी अंतिम फैसला लिया जाना है ताकि बागवानों को कार्टन पर निर्भर न रहना पड़े।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में औट-बंजार-सैंज हाइवे-305 स्थित सोझा के जलोडा के पास पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रेवलर खाई में गिरने से बच गई। हादसा बुधवार रात को हुआ है, जब गुड़गांव के दस पर्यटक जलोड़ी दर्रा से बंजार की तरफ आ रहे थे। इस दौरान जब वह जिभी वापिस आ रहे थे तो गाड़ी की ब्रेक फेल हो गई। गाड़ी सड़क से नीचे लुढ़कने से बच गई और सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। हादसे में चालक घायल हुआ है जो बंजार अस्पताल में भर्ती है।
कोरोना वायरस की दूसरी लहर से राहत मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश में पाबंदियों में छूट दी गई है। इस दौरान यहां सैलानी भारी संख्या में पहुंच रहे हैं। इस बीच पर्यटकों द्वारा बीच सड़क पर तलवार लहराने का वीडियो सामने आया है। मनाली में देर रात के समय पर्यटकों ने आवेरटेक कर गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी, जिससे सड़क पर जाम लग गया। अन्य लोगों ने जब गाड़ी हटाने को कहा तो गाड़ी में सवार पर्यटकों ने तलवारें निकाल कर लोगों पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि चार पर्यटकों को तलवारों से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। आरोपियों पर आईपीसी और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बलद्वाड़ा के प्लासी में ट्रक और कार की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। यह हादसा गुरुवार सुबह बलद्वाड़ा बाजार से मात्र दो किलामीटर दूर प्लासी पुल के पास हुआ। घुमारवीं-सरकाघाट नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में खुडला पंचायत निवासी 60 वर्षीय प्रेम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खुडला के ही अन्य पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जिन्हें पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक ट्रक जाहू से प्लासी की ओर आ रहा था और कार घुमारवीं की तरफ से जा रही थी जिसमें छह लोग सवार थे। सभी लोग खुडला पंचायत के गांव खुडला के रहने वाले हैं। घायलों में सुमित कुमार, सुषमा देवी, अभिषेक और दो बच्चे प्रियांशु और रूजल शामिल हैं। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी हटली उधम सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन की जा रही है। उधर, प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार बाल कृष्ण ने मौके पर सभी मृतक सहित घायलों के परिजनों को 40 हजार रुपये की राशि प्रदान की है।
इंडियन स्पेस रिसर्च आर्गेनाइजेशन ने बुधवार को भारत के गगनयान मिशन से जुड़ा बड़ा टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया है। यह तीसरा टेस्ट था जो कि अब तक का सबसे लंबी अवधि तक सफल रहा। गगनयान मिशन को लॉन्च करने के लिए इसी विकास इंजन का इस्तेमाल किया जाएगा। बता दें कि गगनयान मिशन भारत का सबसे महत्वाकांक्षी मिशन है। जिसके जरिए भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष तक भेजा जाएगा। इन यात्रियों को पृथ्वी की निचली कक्षा में भेज और उन्हें वापस धरती पर लाने की क्षमता प्रदर्शित करना है। भारत ने इस मिशन की तैयारी 2014 में ही कर ली थी जब जीएसएलवी मार्क 3 के जरिए मॉड्यूल को टेस्ट किया गया था। तारीख थी 18 दिसंबर 2014, मॉड्यूल का नाम CARE रखा गया था CARE यानी क्रू मॉड्यूल एटमॉस्फेरिक री एंट्री एक्सपेरिमेंट जो कि अंतरिक्ष तक पहुंच कर धरती की सतह पर लौट आया था जिसके बाद उस कैप्सूल को बंगाल की खाड़ी में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास से रिट्रीव किया गया था। जिसके बाद से लगातार गगनयान मिशन को लेकर ट्रेनिंग और टेस्ट का सिलसिला जारी है। ISRO ने बुधवार को जब इसकी जानकारी देने के लिए ट्वीट किया तो उस पर एलन मस्क ने भी कॉमेंट कर "बधाई भारत" कहा। गगनयान मिशन अंतरिक्ष भेजे जाने वाला देश का पहला मानवयुक्त मिशन है। इसे लिक्विड प्रोपेलेंट इंजन विकास की मदद से लॉन्च किया जाएगा। यही कारण है कि इसका बार-बार टेस्ट किया जा रहा है। अब तक तीन टेस्ट किए जा चुके हैं। जिसमें कल किया गया टेस्ट अब तक के लंबे ऊष्ण टेस्ट कोर L110 लिक्विड स्टेज के लिए 240 सेकंड्स तक किया गया था। यह टेस्ट तमिलनाडु के महेंद्रगिरी के इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स में किया गया। गगनयान स्पेस प्रोग्राम के लिए चार भारतीय अंतरिक्ष यात्री रूस में स्पेस फ्लाइट ट्रेनिंग भी लेने गए थे। मैन मिशन से पहले तीन मानवरहित टेस्ट मिशन लॉन्च किए जाने है। जिसकी डेडलाइन इस साल के अंत और दो 2022 में होने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2018 को स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में गगनयान मिशन की घोषणा की थी। हाल ही में वर्जिन गैलेक्टिक मिशन के बाद स्पेस टूरिज्म को लेकर विश्व भर चर्चा शुरू हो चुकी है ऐसे में सवाल यह भी कि आखिर भारत स्पेस टूरिज्म का कहा खड़ा है। जायर है भारत के पहले मानव मिशन के बाद हमारे देश में भी स्पेस टूरिज्म को पंख मिलेंगे। साथ ही भारत अपना खुद का स्पेस स्टेशन बनाने जा रहा है। यहीं कारण है कि इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की सूची में अपना नाम नहीं दिया।
धर्मांतरण करवाने को लेकर एक अजीब मामला सामने आया है। यह मामला चंडीगढ़ का है। इस घटना में चंडीगढ़ जिला अदालत में एक 36 वर्षीय सिख व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदारों के खिलाफ याचिका दायर कर कहा है कि उसके बेटे को जबरन इस्लाम धर्म अपनाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। पति ने कोर्ट में बताया है कि उसकी पत्नी इस्लाम धर्म को मानती है। उन्होंने अपनी चाकिका में मांग की है कि उनकी पत्नी को ऐसा न करने का निर्देश जारी किया जाए। शख्स ने कोर्ट को बताया है कि वह धर्म और जन्म से सिख है जबकि उसकी पत्नी और ससुराल वाले जन्म से मुस्लिम हैं। सिख शख्स ने बताया है कि वह चंडीगढ़ का ही रहने वाला है। याचिका में कहा गया है कि वह अपना धर्म नहीं बदलना चाहता है। सिविल जज रसवीन कौर की कोर्ट ने बचाव पक्ष को इस मामले में नोटिस जारी किया है। जज रसवीन कौन ने इस मामले में 20 जुलाई तक दूसरे पक्ष से जवाब दाखिल करने की बात कही है। बता दें कि दोनों की लव-मैरिज हुई है। याचिका में बताया गया है कि दोनों की सहमति के बाद अमृतसर के गुरुद्वारा साहिब में विवाह संपन्न करवाया गया था। याचिकाकर्ता का कहना है कि उन्हें इस बात का बिलकुल भी अंदाजा नहीं था कि शादी के बाद सिख धर्म छोड़ने के लिए मजबूर किया जा सकता है।


















































