हिमाचल प्रदेश सीमित सीधी भर्ती कर्मचारी संघ ने उनकी मांग JOA के पद पर भर्ती एवं पदोन्नति हेतु 20 प्रतिशत कोटा LDR प्रक्रिया में देने की अधिसूचना करने बारे प्रदेश सरकार का आभार प्रकट किया है। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष एल ड़ी चौहान, महासचिव विकास शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष तपिन्दर ठाकुर व कोषाध्यक्ष अक्षय शर्मा ने कहा कि संगठन की मांग पर माननीय मुख्यमंत्री ने बजट सत्र में इसकी घोषणा की थी, लेकिन अधिसूचना जारी न होने की वजह से प्रतिनिधिमंडल अतिरिक्त मुख्यसचिव कार्मिक प्रबोध सक्सेना जी से कई बार मिला, जिस पर उन्होंने जल्द अधिसूचना जारी करने का आश्वासन दिया था। 26 सितंबर को की गई अधिसूचना से संगठन को खुशी है कि उनकी LDR संघ के माध्यम से रखी गयी हर मांग को सरकार ने पूरा किया है। एलडी चौहान ने कहा कि संगठन प्रदेश के हर विभाग में कार्यरत बाहरवी उतीर्ण चतुर्थ श्रेणी कर्मी को लिपिक व जेओए पद पर पदोन्नति करवाने हेतु प्रयासरत है और वर्तमान में संगठन के सँघर्ष की वजह से कई हजारों चतुर्थ श्रेणी कर्मी विभिन्न विभागों में लिपिक बन चुके है। अभी हाल ही में पोस्ट कोड 925 के तहत पद न होने की वजह से बाहर हो रहे 31 अभ्यर्थियों को भी तैनाती दिलवाने व पोस्ट कोड 957 के तहत टंकण परीक्षा में अनुतीर्ण हुए अभ्यर्थियों को टाइप टेस्ट में पुनः गोल्डन चांस दिलवाने के लिए संघर्षरत है जो कि सरकार के ध्यानार्थ है और जल्द मांग पूरी होने की उम्मीद है।
कुल्लू जिला के तहत छोटी काशी निरमण्ड के प्रवेश द्वार बजीर बाबड़ी में मंगलवार सुबह एक वाहन अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में समा गया, जिसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। डीएसपी आनी रविंदर नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बजीर बाबड़ी के समीप एक वाहन नम्वर एचपी 35- 7438 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना ब्रो थाना को मिली, सूचना मिलते ही पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंच गई हैं और नदी में लापता कार व कार मालिक को ढूंढ़ने में जुट गई है, पुलिस के साथ कुछ अन्य लोग भी नदी के किनारे में उतर कर दुर्घटनाग्रस्त वाहन व उसमें सवार व्यक्ति की तलाश में जुटे हैं। डीएसपी ने बताया कि दुर्घटना का शिकार हुए व्यक्ति की शिनाख्त राजकुमार निवासी मालिधार निरमण्ड के रूप में हुई है।जिसके शव को अभी तक खोजा नहीं गया है। उन्होंने बताया कि सतलुज का पानी इन दिनों काफी बढ़ा हुआ है, लेकिन जिस स्थान से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है, वहाँ नदी की गहराई अधिक होने की बजह से पानी का वहाव कम है,बाबजूद इसके दुर्घटनाग्रस्त वाहन का अभी कोई भी पता नहीं चल पाया है।
नागरिक अस्पताल बगस्याड़ को 100 बिस्तर के अस्पताल में स्तरोन्नत करने की घोषणा फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज सराज विधानसभा क्षेत्र के अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान लगभग 167 करोड़ रुपये की 27 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास किए। उन्होंने बगस्याड़, परवाड़ा कयोलीधार तथा बाड़ा में जनसभाओं को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता की मांग पर नागरिक अस्पताल बगस्याड़ को 50 बिस्तर से बढ़ाकर 100 बिस्तर के अस्पताल में स्तरोन्नत करने और बगस्याड़ में पुलिस चौकी खोलने, गाड़ से परमेली, सरली से नहाच तथा छोई पाल से सलार सड़कों के निर्माण को 10-10 लाख रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की। उन्होंने बगस्याड़ में मृदा परीक्षण प्रयोगशाला खोलने का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर जय राम ठाकुर ने 4.28 करोड़ रुपये की लागत से परवाड़ा में निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अतिरिक्त भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने 1.72 करोड़ रुपये लागत की उठाऊ जलापूर्ति योजना टिक्कर, बह तथा बटांड, केलोधार में 54 लाख रुपये के लागत से निर्मित कनिष्ठ अभियन्ता कार्यालय एवं आवास भवन, ग्राम पंचायत तांदी, सरोआ, थरजून, मसरानी, बासी, देवधार, खारशी तथा कोटला खुनाला के लिए 39.43 करोड़ रुपये लागत की जलापूर्ति योजना, 6.14 करोड़ रुपये लागत की उठाऊ जलापूर्ति योजना कालीगढ़ तथा बाड़ा, बाड़ा में 1.55 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जल शक्ति विभाग की निरीक्षण कुटीर, बाखली में 7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नेचर पार्क का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इंटरप्रटेशन सेंटर बाखली, 59 लाख रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलोधार में निर्मित विज्ञान प्रयोगशाला, बगस्याड़ में 28.44 करोड़ लागत से निर्मित 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल का लोकार्पण किया। उन्होंने 2.43 करोड़ की लागत से बगस्याड़ में निर्मित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, 4.55 करोड़ की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बगस्याड़ के अतिरिक्त भवन, 24.89 करोड़ की लागत से हणोगी में बने केबल स्टेड पुल, 77 लाख की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शारटी के भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने तहसील थुनाग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कानधा, राजकीय उच्च विद्यालय अनाह और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांदल का शुभारम्भ भी किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने 43.31 करोड़ लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास किए, जिनमें 2.94 करोड़ लागत से परवाड़ा में निर्मित होने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, ददोह में 73 लाख की लागत से बनने वाला आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 99 लाख रुपये की लागत से ग्राम पंचायत मझोटी के देवधार में जल शक्ति विभाग की निरीक्षण कुटीर, 84 लाख की लागत से बाड़ा में निर्मित होने वाला पशु चिकित्सालय भवन, 98 लाख लागत से मसरानी, सरोआ और कोटला खुनाला में निर्मित होने वाली उठाऊ जलापूर्ति योजना, 28.62 करोड़ लागत से विभिन्न गांवों के लिए बनने वाली उठाऊ सिंचाई योजना, सुराह खड्ड पर 89 लाख लागत का 19 मीटर लंबा पुल, तहसील थुनाग के सुराह में 75 लाख लागत का स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन, 5.69 करोड़ की लागत से बगस्याड़ में निर्मित होने वाला संयुक्त कार्यालय भवन और 88 लाख की लागत से तांदी में बनने वाला स्वास्थ्य केंद्र भवन शामिल हैं। बगस्याड़ में आयोजित जनसभा को संबाेधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले लगभग पांच वर्षों के दौरान प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र का एक समान विकास सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा सराज विधानसभा क्षेत्र में 224 करोड़ की विभिन्न जलापूर्ति योजनाओं के कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि थाची, बागा चनोगी व छतरी में उप तहसील कार्यालय खोले गए। छतरी को डिग्री कॉलेज की सौगात दी गई है। बागा चनोगी में आईटीआई तथा जल शक्ति विभाग का उपमण्डल कार्यालय खोला गया है। 8.27 करोड़ की लागत से लम्बाथाच में कॉलेज का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि थुनाग में 240 करोड़ की लागत से औद्यानिकी व वानिकी महाविद्यालय के भवन का निर्माण किया जाएगा। उन्होंनेे कहा कि शाटाधार, तुंगासीधार, घाटीधार जैसे कठिन क्षेत्रों तक सड़कें पहुंचाई गई हैं। मुख्यमंत्री ने थाची में प्राथमिक विद्यालय खोलने, राजकीय माध्यमिक अनाहा को राजकीय उच्च पाठशाला में स्तरोन्नत करने और कांडी में पशु औषधालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बाड़ा में उप तहसील खोलने की मांग पर भी विचार किया जाएगा। सभी पंचायतांे में स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधानों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। इस अवसर पर दिल्ली के पूर्व विधायक मनोज कुमार, भाजपा नेता गुलजारी लाल, महामंत्री भीषम ठाकुर व टीकम राम, मण्डलाध्यक्ष भागीरथ शर्मा, जिला परिषद सदस्य रजनी ठाकुर व खेम दासी, पंचायत समिति उपाध्यक्ष भारती शर्मा, ग्राम पंचायत बाड़ की प्रधान जीमा देवी, उपायुक्त अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि कांग्रेस जमीन खो रही है और आप जमीन तलाश रही है, जबकि भाजपा हिमाचल में पूर्ण जीत की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस पार्टी ताश के पत्तों की तरह गिर रही है और इसका ताजा उदाहरण राजस्थान में है, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच पार्टी के भीतर युद्ध चल रहा है। कांग्रेस बदहाली में है और पूरे देश में और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस में अशांति की स्थिति है। कांग्रेस एक विभाजित सदन है, जिसका कोई मजबूत नेतृत्व नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हिमाचल में गारंटी दे रहे हैं, लेकिन अब यह बिल्कुल स्पष्ट है कि राजस्थान में उनकी अपनी पार्टी की कोई गारंटी नहीं है।कांग्रेस नेता भारत जोड़ी यात्रा तो चला रहे हैं, लेकिन कांग्रेस को एकजुट नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस जनता के सामने बिल्कुल अलग चेहरा दिखाकर अपना मजाक बना रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को हिमाचल में जमीन ढूंढे नहीं मिल रही है और आप का संघर्ष शत-प्रतिशत असफल होगा। दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन से लोग खुश नहीं हैं। आम आदमी पार्टी शासित राज्य भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी के दौर से गुजर रहे हैं, आप की सरकार बनने के बाद से पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। आम आदमी पार्टी से लोग तंग आ चुके हैं। खन्ना ने कहा कि भाजपा हिमाचल में पूर्ण जीत की ओर अग्रेसर है, लोगों ने सभी दलों में अंतर देखा है और देखा है कि भाजपा ने हिमाचल की आम जनता की कितनी अच्छी सेवा की है। नरेंद्र मोदी सरकार और जयराम ठाकुर सरकार ने हिमाचल को विकास का नया युग आरंभ किया है।
अनाहिता दिग्विजय सिंह हिमाचल टीम की सबसे युवा खिलाड़ी फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला चन्नेई में होने जा रहे अंडर-19 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हिमाचल की टीम में शिमला जिला से पांच लड़कियों का चयन किया गया है। इसमें अनाहिता दिग्विजय सिंह हिमाचल क्रिकेट टीम की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी है। अनाहिता ताराहाल स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्रा है, वह इससे पहले सीनियर चैलेंजर ट्राफी में भी इस साल खेल चुकी है। उनका चयन धर्मशाला अकादमी के लिए भी हुआ था। अनाहिता शिमला की मैहली में एक अकादमी में बीते कुछ सालों से प्रैक्टिस कर रही है, यह अकादमी स्थानीय युवाओं ने खुद मिलकर बनाई है। अनाहिता की माने तो कोरोना काल में उनको प्रैक्टिस करने का मौका मिला, जिसकी बदौलत आज उनका चयन नेशनल टूर्नामेंट के लिए हुआ है। वहीं शिमला जिला से दूसरी खिलाड़ी कृतिका कंवर है जोकि अपना पहला नेशनल खेल रही हैं। इसके अलावा देवांशी वर्मा का चयन भी नेशनल टूर्नामेंट के लिए गया है। बीते साल भी उनका चयन टीम के लिए हुआ था और बाद में इंटर जोनल मैच में भी खेला। इसके अलावा उनका चयन सीनियर टीम के लिए भी हुआ था। इस साल वे दूसरी बार हिमाचल की अंडर-19 टीम के लिए चयनित हुईं हैं। वहीं शिमला जिला से चौथी खिलाड़ी कुशी चौहान है जोकि अंडर-19 टीम के लिए तीसरी बार चयनित हुई हैं। चौपाल की मनीषा रावत भी दूसरी बार नेशनल टूर्नामेंट के लिए चयनित हुई हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कुल्लू जिला के जलोड़ी जोत के समीप घियाघी में एक टैम्पो ट्रैवलर की दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में सात लोगों की मृत्यु और दस अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन दुर्घटनास्थल पर पहुंच गया और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कर दिए। मुख्यमंत्री ने जिला एवं अस्पताल प्रशासन को दुर्घटना में घायल लोगों को श्रेष्ठ उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश देते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि घायलों को फौरी राहत के रूप में 50 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला शहर के टूटीकंडी से नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनकी नाबालिग बेटी बीती रात करीब 11 बजे कमरे से कहीं बाहर निकली। इसके बाद लौटकर नहीं आई। परिजनों का कहना है कि उन्होंने सभी संभावित जगहों पर लड़की की तलाश की, लेकिन उसका कोई अता पता नही चला। ऐसे भी अंदेशा जताया जा रहा है कि या तो की लड़की को किसी ने किडनैप कर दिया है या फिर किसी शख्स के साथ गई है। पुलिस ने लड़की को ढूंढने के लिए टीमों का गठन कर लिया है और सभी पुलिस थानों को भी इस संबंध में सूचित कर दिया है। यही नहीं जिला के बाहर के पुलिस थानों में भी लड़की के संबंध में सूचना भेजी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द से जल्द लड़की को ढूंढ लिया जाएगा। वहीं, पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी लड़की को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने केस एफआईआर नंबर 245/22, IPC की धारा 363 के तहत दर्ज किया गया है। एएसआई सुरेश कुमार पीएस वेस्ट मामले की जांच कर रहे हैं।
नवरात्र एक प्रमुख हिंदू त्योहार है, जिसे पूरे भारत भर में काफी धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। इस पर्व पर लोगों द्वारा देवी दुर्गा के नौ रुपों की पूजा की जाती है। नवरात्र का यह पर्व उत्तर भारत के कई राज्यों सहित में भी इस पर्व का काफी भव्य आयोजन देखने को मिलता है। वैसे तो नारी शक्ति देवी दुर्गा को समर्पित नवरात्र का यह पर्व एक वर्ष में चार बार आता है लेकिन इनमें से दो नवरात्रों को गुप्त नवरात्र माना जाता है और लोगो द्वारा सिर्फ चैत्र तथा शारदीय नवरात्र को ही मुख्य रूप से मनाया जाता है। ज्योतिष शास्त्रीय गणनानुसार कलश स्थापन शुभमुहूर्त्त प्रात: 06 बजकर 10 मिनट से 07 बजकर 52 मिनट तथ दूसरा अभिजित मुहूर्त्त 11 बजकर 48 मिनट से 12 बजकर 36 मिनट के बीच शुभ रहेगा। तिथि समय मातृस्वरूप दिनॉक आश्विन प्र. प्रतिपदा 27:08 (मां शैलपुत्री) : 26/9/2022 १० सोम द्वितीया 26:28 (मां ब्रह्मचारिणी) : 27/9/2022 ११मंगल तृतीया 25:28 (मां चंद्रघंटा) : 28/9/2022 १२बुध चतुर्थी 24:09 (मां कुष्मांडा) : 29/9/2022 १३गुरु पंचमी 22:35 (मां स्कंदमाता) : 30/9/2022 १४शुक्र षष्ठी 20:47 (मां कात्यायनी) : 01/10/2022 १५शनि सप्तमी 18:47 (मां कालरात्रि) : 02/10/2022 १६रवि अष्टमी 16:28 (मां महागौरी) : 03/10/2022 १७सोम नवमी 14:21 (मां सिद्धिदात्री) : 04/10/2022 १८मंगल दशहरा 12:00 (विजयादशमी ) : 05/10/2022 १९बुध कन्या पूजन का शास्त्रोक्त विधान एक वर्ष की कन्या का पूजन नहीं करना चाहिए। दो वर्ष – कुमारी – दुःख-दरिद्रता और शत्रु नाश तीन वर्ष – त्रिमूर्ति – धर्म-काम की प्राप्ति, आयु वृद्धि चार वर्ष– कल्याणी – धन-धान्य और सुखों की वृद्धि पांच वर्ष – रोहिणी – आरोग्यता-सम्मान प्राप्ति छह वर्ष – कालिका – विद्या व प्रतियोगिता में सफलता सात वर्ष – चण्डिका – मुकदमा और शत्रु पर विजय आठ वर्ष – शाम्भवी – राज्य व राजकीय सुख प्राप्ति नौ वर्ष – दुर्गा – शत्रुओं पर विजय, दुर्भाग्य नाश दस वर्ष – सुभद्रा – सौभाग्य व मनोकामना पूर्ति कन्या पूजन विधि:- सर्वप्रथम व्यक्ति को प्रातः स्नान करना चाहिए। उसके पश्चात् कन्याओं के लिए भोजन अर्थात पूरी, हलवा, खीर, चने आदि को तैयार कर लेना चाहिए । कन्याओं के पूजन के साथ बटुक पूजन का भी महत्त्व है, दो बालकों को भी साथ में पूजना चाहिए एक गणेश जी के निमित्त और दूसरे बटुक भैरो के निमित्त कहीं कहीं पर तीन बटुकों का भी पूजन लोग करते हैं और तीसरा स्वरुप हनुमान जी का मानते हैं | एक-दो-तीन कितने भी बटुक पूजें पर कन्या पूजन बिना बटुक पूजन के अधूरी होती है।कन्याओं को माता का स्वरुप समझ कर पूरी भक्ति-भाव से कन्याओं के हाथ पैर धुला कर उनको साफ़ सुथरे स्थान पर बैठाएं। ॐ कौमार्यै नम: मंत्र से कन्याओं का पंचोपचार पूजन करें । सभी कन्याओं के मस्तक पर तिलक लगाएं, लाल पुष्प चढ़ाएं, माला पहनाएं, चुनरी अर्पित करें तत्पश्चात् भोजन करवाएं। भोजन में मीठा अवश्य हो, इस बात का ध्यान रखें।भोजन के बाद कन्याओं के विधिवत् कुंकुम से तिलक करें तथा दक्षिणा देकर हाथ में पुष्प लेकर यह प्रार्थना करे- मंत्राक्षरमयीं लक्ष्मीं मातृणां रूपधारिणीम्। नवदुर्गात्मिकां साक्षात् कन्यामावाहयाम्यहम्।। जगत्पूज्ये जगद्वन्द्ये सर्वशक्तिस्वरुपिणि। पूजां गृहाण कौमारि जगन्मातर्नमोस्तु ते।। तब वह पुष्प कुमारी के चरणों में अर्पण कर उन्हें ससम्मान विदा करें। इस बार पांचवें नवरात्र अर्थात् 30 सितंबर से 25 नवंबर 2022 तक शुक्र अस्त रहेगा। अस्त से तीन दिन पहले वार्धक्य और तीन दिन बाद तक शुक्र बाल्यत्व दोष शुभ कार्यों में वर्जित रहता है।यथा- विवाह ,मुंण्डन, जनेऊ आदि संस्कार, गृहारंभ, गृह प्रवेश, नया वाहनादि खरीदना वर्जित रहता है। प्राय: अन्य नित्य नैमितिक कृत्य पूजा पाठ तथा नवग्रह अनिष्ट पीड़ा शांति के निमित्त जपानुष्ठान आवश्यकतानुसार करते रहना श्रेयस्कर रहेगा। - डॉ. देश राज शर्मा, नित्यानंद कृपा, हीरानगर शिमला (हि.प्र.)
-कहा मोदी आए नही, पर संबोधन से कमी को किया पूरा -बोली मोदी व देवभूमि से बढ़ते नाते की मजबूत कड़ी बन रहे जयराम -बोली नरेंद्र मोदी व जयराम ठाकुर की जोड़ी ने बढ़ाया प्रदेश आगे रचना झीना शर्मा के सवतंत्र विचार भाजपा कसुम्पटी मंडल की उपाध्यक्ष और स्वतंत्र लेखिका रचना झीना शर्मा ने मंडी रैली को लेकर कहा कि बड़ी काशी के सांसद व् देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देव भूमि हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी से ब्रचुयली सम्बोधित कर देवभूमि से नाता मजबूत किया है। बारिश ने चाहे प्रधानमंत्री के कदम रोके पर युवा सन्कल्प रैली का हजूम व जोश लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी को संम्बोधन में खींच लाया। प्रधानमंत्री ने हिमाचल न आने पर खेद जताया पर साथ ही कहा कि हिमाचल से मेरा नाता कोई बारिश और कोई मुश्किल नहीं तोड़ सकती, यह मजबूत नाता है। प्रधानमंत्री ने फिर से हिमाचल में भाजपा की सरकार बनाने में युवा वर्ग की भूमिका को अहम बताया। वहीं, हिमाचल सरकार व नेतृत्व की खूब सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजबूती के साथ जो नाता बनाया उसका उत्साह व जोश प्रदेश के चुनावों में रिवाज बदलेगा। प्रधानमंत्री का सम्बोधन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की नीतियों की सराहना का रहा है। कोई कुछ भी कहे यह जनसभा युवा हुंकार, बारिश के बाबजूद सफल रही। आलोचना वाले मन बहला सकते है, पर सच्चाई से मुह नही मोड़ सकते। यह सच है कि प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण पल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्बोधन में रहे है और यह हम सबके लिए गर्व का विषय है। देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक का ताकतवर नेतृत्व है, ऐसा नेतृत्व जिसकी ताकत को पूरा विश्व मान रहा है। यह नेतृत्व इस देश को आगे बढ़ा रहा है। वहीं भारत की उम्मीदों को विश्व भर में पंख भी लगा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार अपने नेतृत्व को आगे बढ़ाने का काम किया है और एक सशक्त नेतृत्व बनकर उन्होंने राष्ट्र को मजबूत करने का काम किया है। रचना झीना ने कहा कि आज मैं इस लेख में चर्चा इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और ताकत की कर रही हूं, क्योंकि उनका विशेष जुड़ाव हिमाचल के साथ है। देव भूमि हिमाचल के लिए यह बेहद सुखद पहलू है कि आज जो विश्व भर में ताकतवर नेता है, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका हिमाचल के साथ गहरा नाता है, वह प्रदेश के चप्पे चप्पे को जानते है, जिसका जिक्र उन्होंने किया। हिमाचल की देवभूमि में उन्होंने काम किया है, संगठन को मजबूत बनाने के लिए चप्पे-चप्पे में घूमे है, इसलिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकताओं में हिमाचल रहता है, लगातार हिमाचल को योजनाएं देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को हर फील्ड में नई योजनाएं दी है, जिसके कारण हिमाचल प्रदेश विकास के शिखर की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। उन्होनें कहा कि जल्द आप सबके रुबरु होने आऊंगा। हिमाचल सरकार ने जब भी उनसे आग्रह किया है तो उन्होंने कभी भी उसे नकारा नहीं बल्कि उम्मीद से बढ़कर हिमाचल को देने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। प्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर हिमाचल खुशहाल प्रदेश बनकर उभरा है। केंद्र सरकार ने स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रेल, कृषि, बागवानी, शिक्षा के क्षेत्र में अनेक योजनाएं दी वही इसके अलावा औद्योगिक विकास की ओर हिमाचल अधिक तेजी से बढ़े इस को लेकर केंद्र की सरकार ने हिमाचल को आगे बढ़ाने का काम किया। कोरोना काल में जरूरतमंदों के लिए राशन की व्यवस्था का काम हो, चाहे स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने का काम हो, वैक्सीन का सुरक्षा चक्र हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार हिमाचल को लेकर सतर्क रहें है और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उन्हें लगातार फीडबैक देते रहे है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को लेकर चिंतित रहते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हिमाचल को शिखर की ओर ले जाने के लिए लगातार प्रयासरत रहें, प्रदेश सरकार अपने 5 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण कर रही है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष स्नेह हिमाचल प्रदेश को मिला है। वहीं हिमाचल प्रदेश व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच के नाते को मजबूत करने का काम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया है, समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल लाकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हिमाचल के साथ जोड़ने में सफलता पाई है। इतनी बड़ी जिम्मेदारी के बीच भी वे हिमाचल के लिए समय निकालते हैं, हिमाचल प्रदेश का दौरा करते हैं, यह अपने आप में बड़ी बात है और देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनको लेकर विश्व में सम्मान है और हिमाचल प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा होता है। देवभूमि को अपना घर मानने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गर्व से कहते हैं कि हिमाचल मेरा दूसरा घर है। पीएम हिमाचल प्रदेश की समस्याओं को बारीकी से समझते है, हिमाचल प्रदेश के दर्द को समझते हैं, इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कभी भी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के आग्रह को दूर नहीं किया है बल्कि उसका हल निकालने का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद सदैव हिमाचल प्रदेश के कुशल इमानदार, कर्मठ नेतृत्व जयराम ठाकुर को रहा है। हिमाचल प्रदेश में लगातार प्रवास करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश को आगे बढ़ाने के साथ-साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व को आगे बढ़ाने का काम किया है। केंद्र से हिमाचल को अनेक योजनाएं मिली है। चाहे मेडिकल कॉलेज की बात हो, चाहे औद्योगिक क्षेत्र में निवेश की बात हो, चाहे रेलवे की बात हो, चाहे उड़ान योजना की बात हो, चाहे स्वास्थ्य के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को सुधार करने की बात हो, चाहे नदी नालों के तटीयकरण की बात हो, चाहे पेयजल योजनाओं की बात हो, चाहे आपदा प्रबंधन में मदद की बात हो, चाहे शिमला में आधुनिक यातायात के लिए विशेष प्रोजेक्ट रोप वे का सहमति का देने की बात हो। विश्व प्रसिद्ध अटल टनल तय समय में पूरा करवाने की बात, जो आज विश्व मे छाई है और इसी के साथ प्रधानमंत्री ने प्रदेश में पर्यटन को नए आयाम दिए है। अनेक सड़कों, पुलों के लिए केंद्रीय मदद मिलने की बात, ऐसी अनेक योजनाएं हैं जिनका मैं उल्लेख कर सकती हूं जो केंद्र सरकार के सक्रिय सहयोग से प्रदेश को मिली और इसका श्रेय जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व को जाता है। उन्होंने हिमाचल के केस को बेहतर से केंद्र के समक्ष रखा है और केंद्र ने भी हिमाचल को दिल खोल के दिया है। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में एक बार पुनः देश के लोकप्रिय, सशक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि में ब्रचुयली स्वागत किया है। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व समस्त नेतृत्व को शुभकामनाएं हैं। निश्चित रूप से यह हुंकार प्रदेश में रिवाज बदलने में सहायक होगी और भाजपा के चुनाव प्रचार का तेज आधार प्रधानमंत्री मोदी का सम्बोधन करेगा। वही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सशक्त हो कर आगे बढ़ रहे है और आगे भी और अधिक आक्रमकता से बढ़ेंगे। हिमाचल अब जल्द ही साफ मौसम में प्रधानमंत्री का स्वागत करेगा।
प्रदेश में भारी बारिश का दौर लगातार जारी हैं। पिछले 4 से 5 दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी नाले उफान पर हैं तों प्रदेश के कई हिस्सों में नुकसान की भी खबरें हैं। भारी बारिश व तूफान से फसलों को भी काफ़ी नुकसान पहुंचा हैं। रविवार को सुबह से ही भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का क्रम जारी हैं जिससे ऊपरी शिमला में सेब की फ़सल व प्रदेश के निचले इलाकों में टमाटर व मक्की की फ़सल को भारी नुकसान पहुंचा हैं। मौसम की मार से किसानों की चिंता बढ़ा दी हैं। भारी बरसात से चम्बा जिला के बकानी में 3 लोग पानी में बहने से लापता हो गए है। 8 पैदल पुल बह गए हैं, 6 घराट बह गए है और 1 गौशाला बह गई है। चंबा में भारी बारिश से रावी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। रवि नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच गई है। चंबा में ही दो मकान बारिश के कारण ढह गए है। सुरेश सिंह सुपुत्र गजेंद्र सिंह, गांव करंगड़ ग्राम पंचायत कैला निवासी का घर भारी बारिश के कारण पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इसी पंचायत के निवासी भानो सुपुत्र हरदेव के मकान की दीवार भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर गिर गई है तथा पूरे मकान को खतरा पैदा हो गया है। उधर बारिश से शिमला के ननखड़ी में सेब की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। सेब के पेड़ों से सेब नीचे गिर गए है।
*कहा ओछी राजनीति कर रही भाजपा सरकार *बोली राष्ट्रीय विभूतियों को अंधेरे में रखने वाले भाजपा सरकार को राजनीति के अंधेरे में पहुंचाएगी हिमाचल की जनता कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने भाजपा पर हिमाचल निर्माता डॉ वाईएस परमार, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और आयरन लेडी इंदिरा गांधी का अपमान करने के आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश को अपमानित किया है। प्रदेश के निर्माता प्रथम मुख्यमंत्री वाईएस परमार, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल अस्मिता की विरोधी विचारधारा वाली जयराम सरकार ने राजधानी शिमला के मॉल रोड स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री इंंदिरा गांधी और हिमाचल निर्माता डॉ वाईएस परमार की प्रतिमा को अंधेरे में रखा है। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा सरकार को हिमाचल की जनता से कितनी नफरत है। कांग्रेस नेता ने कहा कि हिमाचल निर्माता प्रथम मुख्यमंत्री वाईएस परमार को अंधेरे में रखना हिमाचल का अपमान है। वाईएस परमार हिमाचल के विकास के लिए एक अलग राज्य बनाया और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिया था। कांग्रेस ने कहा कि जनसंघ ने तब भी अलग हिमाचल राज्य का विरोध किया था। भाजपा, उसी जनसंघ से निकली है। हिमाचल का विरोध भाजपा के खून में है, इस कारण वाईएस परमार का अपमान जयराम सरकार कर रही है। बापू के हत्यारे गोडसे को पूजने वाली भाजपा का गांधी- विरोध तो पहले से ही जगजाहिर है। भाजपा राज में हिमाचल निर्मात अंधेरे में है, वहीं दूसरी तरफ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा रोशनी से चकमक रहती है। जयराम सरकार की इस ओछी राजनीति को देखकर अटल बिहारी वाजपेयी की आत्मा रो रही होगी? लांबा ने कहा कि हिमाचल की महान विभूतियों को अंधेरे में रख कर भाजपा उनकी महानता कम नहीं कर सकती। जयराम सरकार की पांच साल की उपलब्धि यही है कि इन्होंने हिमाचल के निर्माण में अपना जीवन समर्पित कर देने वाले नेताओं के साथ हिमाचल की जनता का अपमान किया है। हिमाचल निर्माताओं को अंधेरे में रखने वाली भाजपा को हिमाचल की महान जनता राजनीति के अंधेरे में धकेल देगी।
* बोले जिला परिषद कैडर के कर्मचारियों को 2016 से वित्तीय लाभ नहीं दे रही सरकार * कहा अन्य कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने पैदा की वेतन विसंगतियां कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने जयराम सरकार पर आरोप लगाया है कि वह जिला परिषद कैडर के कर्मचारियों को उनके वित्तीय लाभ न देकर उनके साथ घोर अन्याय कर रही है। नए वेतनमान का लाभ सभी कर्मचारियों को 2016 से दिया जाना है। लेकिन सरकार ने जो अधिसूचना जारी की है उसके मुताबिक जिला परिषद कर्मचारियों को इस तिथि से यह लाभ नहीं मिलेगा। इन कर्मचारियों को सितंबर 2022 के बाद से ही छठे वेतन आयोग का लाभ देकर सरकरा इन कर्मचारियों के साथ भेदभाव कर रही है। नरेश चौहान ने कहा है कि कर्मचारी किसी भी सरकार की रीढ़ होते और हिमाचल के विकास में इनकी बड़ी भूमिका रही है। जिला परिषद कैडर के कर्मचारियों से सरकार सभी कार्य ले रही है, इसके बावजूद इनको यह सरकार अपना मानने को तैयार नहीं है। कर्मचारी पहले अपने आपको सरकारी विभाग में समायोजित करने की मांग को लेकर हड़ताल पर रहे। तब सरकार ने इनकी मांगों को मानने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक इसके लिए कुछ नहीं किया। कर्मचारियों के आंदोलन के दवाब में आकर सरकार ने इनके लिए छठे वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने की घोषणा तो की, लेकिन अब जो अधिसूचना जारी की है, उसमें इन कर्मचारियों को सितंबर 2022 से ही नए वेतनमान का लाभ देन की बात की गई है। कायदे से इन कर्मचारियों को 2016 से ही इसका लाभ दिया जाना चाहिए था, जो कि उनको सरकार नहीं रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इन कर्मचारियों को उनके हकों से वंचित करना चाह रही है जिसे कांग्रेस होने नहीं देगी। एक साल से अनशन कर रहे करूणामूलक बेरोजगारों को लेकर सरकार अड़ियल - नरेश चौहान नरेश चौहान ने कहा कि जयराम सरकार कर्मचारियों के प्रति कितनी संवेदनहीन है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शिमला में एक साल से अनशन कर रहे करूणामूलक बेरोजगार युवाओं की मांगों को भी यह सरकार नहीं मान रही है। करूणामूलक बेरोजागर युवाओं की वन टाइम सीलेक्शन की मांग पर सरकार ने सभी को चतुर्थ श्रेणी के पदों पर समायोजित करने की घोषणा की थी। सरकार की बातों में आकर करूणामूलक युवाओं ने चतुर्थ श्रेणी के पदों का विकल्प भी चुना है। लेकिन सरकार अब उनको चतुर्थ श्रेणी पदों पर भी समायोजित नहीं कर रही। अकेले आईपीएच में ही चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए आवेदन करने वाले 388 करूणामूलक युवाओं की नियुक्तियों से अब सरकार ने हाथ खड़े कर दिए हैं। जो कि इन युवाओं के साथ विश्वासघात है। जयराम सरकार ने कर्मचारियों के लिए पैदा की वेतन विसंगतियां - चौहान नरेश चौहान ने कहा है कि सरकार ने छठे वेतन आयोग की सिफारिशें कर्मचारियों के लगातार दवाब मे घोषित तो कर दी लेकिन इसमें भी कर्मचारियों को उनके लाभ नहीं दिए गए। सरकार ने विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारियों के लिए वेतन विसंगितयां पैदा कर रखी हैं। ये कर्मचारी अब लगातार सरकार से वेतन विसंगतिया दूर करने का आग्रह कर रहे हैं। मगर सरकार उनको कोरे आश्वासन दे रही है जबकि कुछ ही दिनों में आचार संहिता लगने वाली है। नरेश चौहान ने कहा है कि जयराम सरकार ने जिस तरह कर्मचारियों के साथ अन्याय किया है, कर्मचारी उसका बदला लेने के लिए तैयार बैठे है। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को कर्मचारियों का पूरा साथ मिलेगा और सरकार बनने पर कांग्रेस कर्मचारियों को उनका हक दिलाएगी।
प्रदेश भाजपा सचिव, पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष विशाल चौहान ने कहा कि पिछले कल 24 सिंतबर पड्ड़ल मैदान में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा युवा विजय संकल्प रैली में युवाओं की भारी भीड़ देखकर कांग्रेस बौखला गई है और उनके बुजुर्ग नेता अनाप-शनाप बयान बाजी कर रहे है, पर युवा दूर दूर तक कहीं दिखाई सुनाई नही दे रहे। इस रैली को सफल बनाने के लिए हिमाचल का युवा बधाई का पात्र है। इस रैली में जिस प्रकार युवाओं का जोश देखने को मिला है उससे यह निशचित हो गया है कि जिस प्रकार 2017 में भारी मतों से भाजपा चुनाव जीती थी उसी प्रकार भाजपा के रिवाज बदलने के नारे को हिमाचल की युवा शक्ति सही साबित कर रही है। गर्व की बात है की एक मोर्चे की रैली में इतना जन सैलाब और उत्साह था। विशाल चौहान ने कहा कि मैं कांग्रेस के नेताओं से पूछना चाहता हूं कि आप भाजपा की इस रैली से परेशान क्यों है। आप अपने संगठन की चिंता कीजिए और दम है तो इससे बड़ी रैली करके दिखाएं। रैली की सफलता का अदांजा इसी बात से लगा सकते हैं कि कल पड्डल मैदान में भारी बारिश के बावजूद पैर रखने तक की जगह नहीं थी। ये भाजपा नहीं कह रही बल्कि प्रदेश मीडिया, सोशल मीडिया सामने दिखा रहा है। इस रैली के हैशटैग #hpyouthwithmodi के 184k सोशल मीडिया ट्वीट्स ने एक नया इतिहास बनाया है जो इस रैली में मोदी को लेकर युवा प्रेम का प्रतीक है। कांग्रेस मीडिया में बने रहने के लिए बयानबाजी कर रही है जिसका कोई आधार नहीं है, मेरा उनको यही सुझाव है कि जितनी चिंता आप हमारी कर रहे हो उतनी प्रदेश में अपनी पार्टी की कर लें और संगठन को मजबूत करके एक युवा रैली करके दिखाएं। विशाल चौहान ने कहा कि प्रदेश में आपका न संगठन है न नेता और न नीति, आपका अस्तित्व सिर्फ नेहरू और गांधी परिवार की चमचागिरी तक सीमित है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सात मोर्चें हैं, यह रैली तो सिर्फ एक मोर्चें की थी और युवा मोर्चा ने अपने आप अपने दम पर की है। प्रदेश सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं रही है और ना ही कोई खर्चा सरकार ने किया है जो विपक्ष बोल रहा। उन्होंने कहा कि मैं दावे से कहता हूँ कि कांग्रेस अपने दम पर प्रदेश में 10,000 संख्या तक की रैली आयोजित करवा के दिखा दे, और तब हमें ज्ञान दे। उन्होंने कहा 2017 में भी अपने संगठन व नेतृत्व क्षमता के दम पर भाजपा ने अपनी सरकार बनाई थी और आने वाले चुनावों में भी हमारा दावा है कि भाजपा फिर एक बार पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन देश से तो खत्म हो ही चुका है पर अब हिमाचल में भी स्तिथि ठीक नही है। कुछ परिवार अपना राजनीतिक अस्तित्व बनाए रखने के लिए एक दूसरे को नीचे लगाने में लगे हुए है, कार्यकर्ता असमंजस में है कि किस और रुख करके अपना भविष्य सुरक्षित रखे, परन्तु भाजपा के पास सुदृढ़ नेतृव एवं मजबूत संगठन है जो इस बार कांग्रेस को हिमाचल प्रदेश से भी उखाड़ फैकेंगें और यह संकल्प हमने लिया है। विशाल चौहान ने कहा कि हमें मलाल है की प्रधानमंत्री खराब मौसम के कारण रैली में नही पहुंच पाए पर मैं प्रधानमंत्री मोदी का हार्दिक धन्यवाद करता हूँ कि उन्होंने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से हम युवाओं को समबोधित कर मार्गदर्शन किया व आगामी चुनावों के लिए युवाओं में जोश भरा। युवा मोर्चा भी यह संकल्प लेता है और प्रधानमंत्री को आश्वस्त करता है कि हम सभी एक होकर देशहित के लिए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएंगे और प्रधानमंत्री मोदी के देश निर्माण महायज्ञ में अपनी आहूति देंगे।
*17,292 लाभार्थियों ने उठाया योजना का लाभ महिलाएं समाज का अभिन्न अंग है। महिलाओं के विकास के बिना समाज के विकास की परिकल्पना नहीं की जा सकती। महिलाओं का सामाजिक-आर्थिक उत्थान सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में अनेक कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैैं। महिलाएं इन योजनाओं का बढ़-चढ़ कर लाभ उठा रही है। इन योजनाओं के फलस्वरूप महिला सशक्तिकरण में हिमाचल देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनकर उभरा है। ग्रामीण महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आर्थिकी सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री एक बीघा योजना शुरू की गई है। इस योजना के अन्तर्गत प्रदेश में मनरेगा और स्वच्छ भारत मिशन का अनुसरण कर ग्रामीणों को किचन गार्डनिंग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं किचन गार्डन को विकसित कर पोषणयुक्त सब्जियों और फलों का उत्पादन कर खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने के साथ उत्पादित उत्पादों को खुले बाजार में बेचकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रही है। मुख्यमंत्री एक बीघा योजना के तहत प्रदेश में भूमि सुधार, नर्सरी उत्पादन, फलदार वृक्षारोपण, केंचुआ खाद गड्ढा निर्माण, अजोला पिट निर्माण, सिंचाई और जल संचयन संरचना निर्माण और गौशाला निर्माण जैसे कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में इस योजना के अन्तर्गत अब तक 17292 लोगों को लाभान्वित किया गया है। प्रदेश में अब तक इस योजना के तहत 41 करोड़ 87 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं। बिलासपुर जिला में 309 लोगों को 37.34 लाख रुपये, चम्बा जिला में 355 लोगों को 118.43 लाख रुपये, हमीरपुर जिला में 928 लोगों को 146.37 लाख रुपये, कांगड़ा जिला में 1792 लोगों को 304.10 लाख रुपये, किन्नौर जिला में 41 लोगों को 4.44 लाख रुपये, कुल्लू जिला में 1,123 लोगों को 114.21 लाख रुपये, लाहौल-स्पीति जिला में 5 लोगों को 3.68 लाख रुपये, मण्डी जिला में 3,124 लोगों को 882.44 लाख रुपये, शिमला जिला में 5,856 लोगों को 1452.09 लाख रुपये, सिरमौर जिला में 2,066 लोगों को 830.21 लाख रुपये, सोलन जिला में 1218 लोगों को 181.93 लाख रुपये और ऊना जिला में 475 लोगों को 112.25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान कर लाभान्वित किया गया है। मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना का लाभ उठाकर महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं। जिला ऊना के हरोली खण्ड की ग्राम पंचायत लोअर पंजावर के स्वयं सहायता समूह पीहू की सुदेश कुमारी इस योजना के माध्यम से प्राकृतिक खेती को भी बढ़ावा प्रदान कर रही है। उन्होंने वर्ष 2019 में इस योजना के लिए आवेदन किया था। उन्हें इस योजना के अन्तर्गत 83 हजार 740 रुपये की सहायता राशि स्वीकृत हुई। इस राशि का उपयोग कर उन्होंने आम के 18 पौधे लगाए और उनकी बाड़बंदी भी की। इसके अतिरिक्त उन्होंने किचन गार्डन मॉडल का उपयोग करके प्राकृतिक खेती से लौकी, कद्दू इत्यादि सब्जियां भी उगाई। उनका कहना है कि वह खेती में गोबर की खाद और नीम अस्त्र जैसे पारंपरिक तौर तरीकों का उपयोग करती हैं। उनके उत्पाद जहरीले रसायनों से भी बच रहे हैं और खेती की लागत में भी कमी आई है। मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री एक बीघा जमीन से उन्होंने खेती को विस्तार प्रदान किया है। प्राकृतिक खेती के माध्यम से बढ़ती उत्पादकता को देखकर अन्य महिलाएं भी इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित हो रही है। सुदेश जैसे कई उदाहरण इस बात का प्रतीक है कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में खुशहाली आ रही है।
महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रशिमीधर सूद ने कहा कि ज्ञात हुआ है कि प्रियंका गांधी वाड्रा 29 सितंबर को हिमाचल भ्रमण पर आ रहे है, अब मानसून का मौसम लगभग समाप्त हो गया है और पर्यटकों के लिए मौसम अनुकूल हो गया है इसके तहत पॉलिटिकल टूरिस्ट हिमाचल आना शुरू हो गए है, प्रियंका भी आ रही है। हिमाचल की हसीन वादियां का आनद लेने एवं कांग्रेस के संगठन में जान डालने, जिसका बंटाधार करने में उनकी भूमिका उनके बड़े हिमाचल के लीडर भी मान चुके है और किसी से छिपे नही है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि ऐसे राजनीतिक पर्यटक हिमाचल में और भी आएंगे और यहां की आबोहवा के मजे लेंगे, उसके बाद अपने आलीशान आशियाना दिल्ली में लौट जायेंगे। कांग्रेस एक संगठन ना रह कर भाई-बहन की पार्टी हो गई है और यह भाई-बहन जिस राज्य में चुनाव होते हैं वहां राजनीतिक पर्यटक के रूप में अपनी भुमिका अदा कर, उस राज्य की भोली-भाली जनता को गुमराह करके अपना जलवायु परिवर्तन करके चले जाते हैं, ना उससे पहले आते ना उसके बाद। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बहना प्रियंका वाड्रा ने इस बार अपनी छुट्टियाँ हिमाचल में बिताने का निर्णय लिया है। वह केवल उस राज्य का दौरा करती हैं जहां जलवायु चुनाव के समय उपयुक्त होती है और जब उन्हें प्रतीत है कि किसी राज्य में उनकी पार्टी शिथिल अस्थिर नज़र आ रही होती है तो वह अपनी छुट्टियां बिता कर बैगर कोई ठोस नीति या परिणाम के उस राज्य से निकल जाती हैं। इस प्रकार से वह असम, यूपी, गोवा, यूके में भी अपनी छुट्टियों का दौरा कर चुकी हैं और वहां के चुनाव परिणाम सबके सामने है, जनता ऐसे राजनीतिक टूरिस्ट को बहुत राज्य में सिरे से नकार चुके है और हिमाचल में भी आइना दिखा देंगे रशिमीधर सूद ने कहा कि प्रियंका गांधी अपनी इस यात्रा को इवेंटफुल बनाने के लिए स्थानीय लोगों के साथ सुनियोजित फोटो-शुट करते हुए दिखेगी और वह एक स्क्रिप्ट के तहत उनके साथ कुछ सेल्फी फोटो क्लिक करेगी ताकि उनकी यह यात्रा उनकी पार्टी को राजनीतिक रूप से आने वाले चुनावों में मजबूत बना सके, पर क्या ऐसे नौटंकी से प्रदेश की भोला भली जनता प्रभावित होगी? हिमाचल की जनता सब समझती है, कांग्रेस की महासचिव वाड्रा इस दौरे के दौरान अपने राजनीतिक दुष्प्रचार तथा लोगों को भ्रमित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। पर मेरा उनसे निवेदन है की अपने घर की अंतर्कलह को पहले सुलझा लें जहां बहुत से कांग्रेस परिवार बर्चस्व की जंग लड़ रहे है। रशिमीधर सूद ने कहा कि कांग्रेस की महासचिव शायद यह भूल चुकी है कि हिमाचल में डबल इंजन कि सरकार ने प्रदेश के कोने-कोने का चहुंमुखी विकास किया और सबका ख्याल रखा है और उन्हें लगता है कि वह हिमाचल के आमजन मानस को अपने इस राजनीतिक दौरे से भ्रमित कर अपना राजनीतिक लाभ प्राप्त कर सकेंगी तो यह इनकी भूल है, जनता सब जानती है कि कौन उनकी समर्पण सेवा से प्रदेश की उन्नति प्रगति के लिए कार्य कर रहे है और कौन सिर्फ सैर सपाटा के लिए हिमाचल भ्रमण कर रहे।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर मुख्यमंत्री ने फार्मासिस्टों से की मरीजों के मार्गदर्शन की अपील फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर सोलन जिला के कसौली से राज्य फार्मेसी परिषद के सदस्यों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान फार्मासिस्टों ने बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और डॉक्टरों के बाद मरीज फार्मासिस्टों पर ही सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि फार्मासिस्टों को पूरी सावधानी के साथ मरीजों की सेवा करनी चाहिए, ताकि किसी भी व्यक्ति के स्वास्थ्य पर किसी भी दवा का गलत प्रभाव न पड़ सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि फार्मासिस्ट का काम केवल मरीजों को दवा देना ही नहीं है, बल्कि जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए मरीजों को सही सलाह देना तथा उन्हंे जागरुक करना भी फार्मासिस्ट का कर्तव्य है। सभी फार्मासिस्टों को इस दिशा में कार्य करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के लिए बल्क ड्रग पार्क स्वीकृत किया है, जो राज्य की अर्थव्यवस्था और यहां के युवाओं के लिए एक वरदान साबित होगा। उन्होंने कहा कि बल्क ड्रग पार्क की स्थापना से कच्चे माल के लिए चीन पर भारत की निर्भरता खत्म हो जाएगी और इस क्षेत्र में चीन का एकाधिकार लगभग समाप्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे फार्मा कंपनियों को हजारों करोड़ रुपए की बचत होगी, क्योंकि उन्हें हिमाचल में कच्चा माल मिलेगा और दवाओं का निर्माण भी सस्ता होगा। इससे दवाओं की कीमतें भी कम होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को मंडी में आयोजित युवा विजय संकल्प रैली को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फार्मेसी क्षेत्र में हिमाचल की क्षमता की प्रशंसा की है और प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बल्क ड्रग पार्क से विश्व फार्मेसी के हब के रूप में हिमाचल अपनी एक अलग पहचान स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का बद्दी क्षेत्र एशिया का सबसे बड़ा फार्मा हब बनकर उभरा है और कोरोना महामारी के दौरान बद्दी क्षेत्र में निर्मित दवाओं की आपूर्ति विश्व भर के देशों में की गई। उन्होंने कहा कि नालागढ़ में 349 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल डिवाइस पार्क स्थापित किया जा रहा है और इसके लिए करोड़ों रुपये के एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे करीब 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य फार्मेसी परिषद के पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस मौके पर स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि विश्वभर में फार्मासिस्टों के सम्मान में 25 सितंबर को विश्व फार्मासिस्ट दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस की शुरुआत 2009 में इस्तांबुल में इंटरनेशनल फार्मास्युटिकल फेडरेशन द्वारा दुनिया के हर कोने में स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में फार्मासिस्टों की भूमिका को प्रोत्साहित करने के लिए की गई थी। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य फार्मेसी परिषद के अध्यक्ष गोपाल किशन शर्मा ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विशेष सचिव राजेश्वर गोयल, हिमाचल के फार्मेसी काउंसिल के प्रतिनिधि संजीव पंडित, कमलेश नायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
*बोले मोदी का हिमाचल से लगाव भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खराब मौसम के कारण मंडी नही आ पाए, पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली को वर्चुअल मध्यम से संबोधित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नहीं आए पर इसके बावजूद भाजपा के युवा कार्यकर्ताओं में अद्भुत जोश देखने को मिला, भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रैली के अंतिम समय तक जोश से नारेबाजी की और भारी बारिश के बावजूद किसी भी व्यक्ति ने सभा स्थल नहीं छोड़ा। सभी कार्यकर्ताओं ने कुर्सियों को छाता बनाकर रैली में मोदी का भाषण सुना। मंडी के पड्डल मैदान में एक लाख से ज्यादा युवा एकात्रिक हुआ इस बात मुझे बहुत खुशी है। उन्होंने कहा की भाजपा का संगठन उत्तम कार्य कर रहा है और मैं भाजपा के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को संख्या का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए ढेरो शुभकामनएं देता हूं। खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री के उद्बोधन में साफ झलक रहा था कि उनको हिमाचल से कितना लगाव है। सभी युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी के उद्बोधन से प्रेरणा ली और एक बार फिर हिमाचल में सरकार बनाने का संकल्प भी लिया।
भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी पुनीत शर्मा ने बताया कि युवा संकल्प रैली के दौरान भाजपा ने सोशल मीडिया ट्विटर ट्रेंड #HPYouthWithModi चलाया और अभी तक 1 लाख 52 हजार ट्वीट हो गए हैं। ट्रेंड सुबह से अभी तक देश भर में नंबर 1 पर चल रहा है। पुनीत शर्मा ने बताया कि इस ट्रेंड से पता चलता है कि युवा संकल्प रैली को लेकर युवाओं में कितना जोश है। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता बहुत ज्यादा है और इससे भी ट्रेंड को बूस्ट मिला है। उन्होंने सभी कार्यकताओं का इस बड़ी उपलब्धि का आभार व्यक्त किया।
आम आदमी पार्टी ने प्रधानमंत्री दौरे को लेकर चुटकी लेते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश का करोड़ो खर्चा करवाकर युवाओं के लिए मोदी सिर्फ रणसिंघा छोड़ गए। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने कहा कि मोदी ने प्रदेश में सिर्फ फिजूलखर्ची को बड़ावा दीया है और उनका दौरा तो हो नहीं पाया पर प्रदेश की जनता का करोड़ो रुपया पानी की तरह भाजपा ने उनकी आव भगत के लिए बहा डाला। एक और आज प्रदेश की जनता महंगाई से परेशान है तो दूसरी और भाजपा अपने नेताओं की आव भगत में जनता का करोड़ों रुपया चंद घंटो में खर्च कर रहीं है। गौरव शर्मा ने कहा कि आज एक बार फ़िर भाजपा और मोदी ने प्रदेश के युवाओं को छला है और कोई भी घोषणा युवाओ के लिए नहीं की गई, उल्टा प्रदेश के युवाओं को झूठ बोलकर मंडी तक ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि कहाँ तो प्रधानमंत्री युवाओं को हर वर्ष दो करोड़ नौकरी देने की बात करते थे और कहा आज प्रदेश और देश का युवा नौकरी के लिए दर दर की ठोकरें खा रहा है। ऊपर से जहां प्रदेश भाजपा सरकार ने भरतियां की, उसमे सिर्फ घोटाला हुआ है और अपने चेहेतों को नौकरी दी गई है, जिसमे मेरिट को बिलकुल दरकिनार किया गया है। गौरव शर्मा ने कहा की जो आस भाजपा ने युवाओं में मोदी के नाम से जगाई थी आज वो ख़तम हो गई और भाजपा की कथनी करनी का अंतर सीधा युवाओं को समझ आ गया। प्रधानमंत्री मोदी का दौरा बेहद निराशाजनक और सच में रिवाज बदलने वाला था।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह की अध्यक्षता में आज यहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की वाहन क्रय समिति की बैठक आयोजित हुई। परिवहन मंत्री ने बताया कि बैठक में हिमाचल पथ परिवहन निगम के लिए 350 (बीएस-6) साधारण बसें क्रय करने के लिए अनुमति प्रदान की गई। इसमें 28 सीट क्षमता की 25 बसें, 36 सीट क्षमता की 150 बसें तथा 46 सीट क्षमता की 175 बसें सम्मिलित हैं। उन्होंने बताया कि बैठक में 39 सीट क्षमता की 22 वातानुकूलित सुपर लैग्जरी बसें खरीदने के लिए भी अनुमति प्रदान की गई। बिक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को गुणात्मक परिवहन सेवाएं प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। इस दिशा में निरंतर अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। इन बसों की खरीद से राज्य के सभी क्षेत्रों विशेषकर दूर-दराज के क्षेत्रों में लोगों को बस सेवा प्रदान करने में सहायता मिलेगी। बैठक में एचआरटीसी के प्रबन्ध निदेशक सन्दीप कुमार, समिति के सदस्य सुशील शर्मा, रतन सिंह राठौर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला विधानसभा चुनावों के लिए रामपुर विधानसभा क्षेत्र से अबकी बार मोहन लाल कांग्रेस के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। मोहनलाल वर्तमान में कांग्रेस के जिला महासचिव और अनुसूचित जाति विभाग के संयोजक हैं। मोहन लाल रामपुर के सराहन क्षेत्र से हैं और वे पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के भी करीबियों में माने जाते रहे हैं। वे बीते कई सालों से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं। कांग्रेस पार्टी में आने से पहले वे हिमाचल सरकार के उपक्रम एग्रो इंडस्ट्रीज में कार्यरत रहे हैं। वे छात्र 1979 में एनएसयूआई में भी रहे हैं। वे कर्मचारियों के मुद्दों को भी सरकार के सामने उठाते रहे हैं। इसके अलावा वे क्षेत्र की समस्याओं और जनहितों के मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाते रहे है। अबकी बार मोहनलाल ने रामपुर हल्के से कांग्रेस के टिकट से दावेदारी जताई है। बताया जा रहा है कि रामपुर हल्के की जनता का एक बड़ा हिस्सा उनके दावेदारी की प्रदेश के नेताओं और पार्टी हाईकमान से पैरवी कर रहा है। मोहन लाल की दावेदारी अबकी बार प्रबल है। हाल में दिल्ली में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी में भी उनके नाम पर चर्चा हुई है। अब सभी की नजरें आगे होने वाली पार्टी के चुनाव समिति की बैठक पर टिकी हुई है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में एनटीटी (NTT) पालिसी को मंजूरी दे दी है। प्रत्येक शिक्षक को मासिक 9000 रुपए मानदेय प्राप्त होगा। इस नीति के मुताबिक एक साल के डिप्लोमा धारक को ब्रिज कोर्स करना होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में सरकार ने एनटीटी नीति को स्वीकृति प्रदान की गई है। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों नर्सरी ट्रेंड टीचर की भर्ती होनी है। प्रदेश मंत्रिमंडल ने रिफाइंड और सरसों के तेल पर प्राप्त होने वाले उपदान को 7 महीने तक बढ़ा दिया है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले उपभोक्ताओं को रिफाइंड व सरसों के तेल पर प्रति पैकेट 10 से 20 रुपए उपदान दिया जाएगा। गरीबी रेखा से ऊपर के उपभोक्ताओं को पांच से 10 रुपए उपदान प्रदान किया जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक में सात महीने के लिए यह व्यवस्था की है, जो कि अगले वर्ष मार्च तक रहेगी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला केंद्रीय हाटी समिति की शिमला इकाई हाटी विकास मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से शिष्टाचार भेंट की। राज्यपाल ने हाटी समुदाय की मांग के अनुरूप उन्हें जनजातीय दर्जा मिलने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके शांतिपूर्ण व संयम के साथ किए गए आंदोलन की यह जीत है। उन्होंने कहा कि सबके प्रयासों से यह संभव हो पाया है और प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय गृहमंत्री स्वयं इसके हक में थे। राज्यपाल ने गिरी पार क्षेत्र आने के उनके निमंत्रण को भी स्वीकार किया। मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंगटा तथा महासचिव अतर तोमर ने राज्यपाल का हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके सहयोग से लंबे संघर्ष के बाद यह हक उन्हें मिला है, जिसके लिए समूचा समुदाय उनका आभार व्यक्त करता है। उन्हांेने कहा कि पहली बार इस निर्णय से राजनीतिक इच्छाशाक्ति देखने को मिली। इससे निर्णय से उनकी भावी पीढ़ीयों को लाभ मिलेगा। हाटी विकास मंच ने राज्यपाल को टांगरू व शॉल भेंटकर सम्मानित भी किया। मंच के मुख्य प्रवक्ता डॉ रमेश सिंगटा, चैयरमेन एमआर शर्मा, सचिव सुरेश सिंगटा, उपाध्यक्ष मदन तोमर तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश मंत्रीमंडल की बैठक में एनटीटी पॉलिसी को मंजूरी दे दी गई है। प्रत्येक शिक्षक को मासिक 9000 रुपए मानदेय मिलेगा। इस नीति के मुताबिक एक साल के डिप्लोमा धारक को ब्रिज कोर्स करना पड़ेगा l उसी के साथ हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नर्सरी ट्रेंड टीचर की भी भर्ती होगी है। हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से विभिन्न स्कूलों में 4700 से ज्यादा की भर्ती की जानी है। हिमाचल प्रदेश में नवंबर माह में विधानसभा चुनाव होने है, इससे पहले सरकार इस भर्ती प्रक्रिया को शुरू करवा सकती है। इसके अलावा मंत्रीमंडल की बैठक में रिफाइंड और सरसों के तेल पर प्राप्त होने वाले उपदान को 7 महीने तक बढ़ा दिया है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले उपभोक्ताओं को रिफाइंड व सरसों के तेल पर प्रति पैकेट 10 से 20 रुपये उपदान दिया जाएगा। गरीबी रेखा से ऊपर के उपभोक्ताओं को पांच से 10 रुपये उपदान प्रदान प्रदान किया जाएगा। मंत्रिमंडल की बैठक में सात महीने के लिए यह व्यवस्था की है, जो कि अगले वर्ष मार्च तक रहेगी। फ़िलहाल मंत्रिमंडल की बैठक जारी है।
प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति, किन्नौर और चंबा के पांगी की ऊंची चोटियों पर सीज़न की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल घाटी के बारालाचा टॉप पर 3 इंच से ज्यादा बर्फबारी दर्ज की गई है। अटल टनल के नॉर्थ पोल की चोटी पर भी हल्की बर्फ़बारी हुई है। बर्फ़बारी के कारण मनाली-लेह नेशनल हाईवे-3 दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही के लिए ठप पड़ा है। बर्फ़बारी के चलते तापमान में भी हल्की गिरावट दर्ज की गई है। अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का एहसास होना शुरू हो गया है। केलोंग का न्यूनतम तापमान गिरकर 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। कुकुमसेरी के तापमान में 4 डिग्री से भी ज्यादा की गिरावट दर्ज की है। गौरतलब है कि बीते 24 घंटे में सोलन में सबसे ज्यादा 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं श्री रेणुका जी में 43 मिलीमीटर, नाहन में 37 मिलीमीटर, कांगड़ा में 27.5 मिलीमीटर, शिमला में 31.2 मिलीमीटर, चंबा में 23 मिलीमीटर और मनाली में 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई इलाकों में रात से ही बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में अगले 28 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश भी हो सकती है। आज यानि 22 सितंबर के लिए चंबा के किलाड़ और किन्नौर के कल्पा क्षेत्र में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। 23 सितंबर को आनी में दोपहर बाद ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 24 और 25 सितंबर को कुल्लू के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। 24 सितंबर को दोपहर बाद कुल्लू के आनी क्षेत्र और 25 सितंबर को आनी, मनाली व पच्छाद क्षेत्र में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट दिया गया है।
शिमला : कसुम्पटी विधान में नेटवर्क की समस्या से छुटकारा, दुधली पंचायत में BSNLभारत फाइबर सर्विस शुरू
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला शिमला के साथ लगती कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की पंचायतो में अब नेटवर्क की समस्या से छुटकारा मिलेगा। बीएसएनएल द्वारा भारत फाइबर सर्विस के तहत दुधली कमयाना में बीएसएनल द्वारा न्यू ओएल टी सेवा शुरू की है, जिसके तहत तीन पंचायतों को बेहतर इंटरनेट सेवा मिलेगी। बीएसएनएल शिमला के एजीएम हिम्मत सिंह के द्वारा दुधली कमयाना में बीडीसी वाईस चेयरमैन मशोबरा विक्रम ठाकुर की अध्यक्षता में न्यू ओएलटीई बीएसएनएल (भारत फाइबर सर्विस) का शिमला के लोगों की सुविधा के लिए लोकपर्ण किया गया। इस दौरान विभाग के एसडीओ दिनेश कुमार शर्मा, मोहन सिंह ठाकुर, भवन मालिक लेखराज वर्मा, बृज लाल और राजेश धीमान विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके लिए भवन मालिक लेखराज ने निःशुल्क अपना भवन दिया है। बीएसएनएल के अधिकारी मोहन सिंह ने कहा कि क्षेत्र में नेटर्वक की नेटर्वक की काफी समस्या थी और इंटरनेट की भी ज्यादा स्पीड लोगों को नहीं मिल पा रही थी। वहीं, स्थानियों लोगों और विधायक अनिरुद्ध सिंह द्वारा इसके लिए आग्रह किया गया था, जिसके बाद यहां पर भारत फाइबर सर्विस के तहत न्यू ओएल टी सेवा शुरू की गई है, जिससे यहां की तीन पंचायतों को फायदा होगा। वहीं, स्थनीय विधायक अनिरुद्ध सिंह ने इस सेवा के शुरू करने के लिए बीएसएनल का आभार जताया और कहा कि दूर दराज की पंचायतो में नेटर्वक की काफी ज्यादा दिक्कत है और खास कर इंटरनेट नहीं चलता था। वहीं, बीएसएनएल से आग्रह किया गया और दुधली पंचायत में फाइवर सेवा शुरू की गई है, जिससे इस क्षेत्र में लोगों को नेटर्वक की समस्या से छुटकारा मिल गया है।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के लिए स्वीकृत राष्ट्रीय महत्व की परियोजना बल्क ड्रग पार्क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) रिकॉर्ड समय में तैयार कर ली गई है। उद्योग विभाग ने यह रिपोर्ट आज राज्य सरकार को सौंप दी है। इसके लिए उद्योग विभाग की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बल्क ड्रग पार्क जैसी राष्ट्रीय महत्व की परियोजना के लिए डीपीआर तैयार करने में सक्षम है। उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग तैयार की गई इस डीपीआर का मूल्यांकन किया जाएगा और इसे अतिशीघ्र केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऊना जिले के हरोली में बनने वाले इस बल्क ड्रग पार्क में लगभग 50,000 करोड़ रुपये का निवेश अपेक्षित है और इसमें लगभग 30000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पार्क पूरे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगा और यह केवल हिमाचल प्रदेश के फार्मा उद्योग ही नहीं, बल्कि देश भर के फार्मा उद्योगों की एपीआई मांग को भी पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि पार्क में बल्क ड्रग इकाइयों के लिए कुशल लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए पार्क में ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के साथ-साथ एनआईपीईआर के एक सैटेलाइट सेंटर का प्रावधान भी रखा गया है। इस सेंटर में अनुसंधान एवं विकास से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेगा प्रोजेक्ट में 300 टीपीएच की क्षमता वाला स्टीम प्लांट, 120 मेगावाट क्षमता का पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, 15 एमएलडी क्षमता वाले जल भंडार के साथ वाटर इंफ्रा, सॉल्वेंट एक्सट्रेक्शन प्लांट, 5 एमएलडी तक के रासायनिक निर्वहन की स्थिति में जीरो लिक्विड डिस्चार्ज वाला कॉमन एफ्लुएंट प्लांट और सामान्य ढांचागत से संबंधित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। पार्क में ये अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होने से विनिर्माण इकाइयों की प्रारंभिक पूंजी लागत काफी कम हो जाएगी। इस पार्क के निर्माण, कार्यान्वयन और अन्य सभी कार्य राज्य कार्यान्वयन एजेंसी (एसआईए) द्वारा किए जाएंगे। उद्योग विभाग ने पार्क में 6 बहु ईंधन ब्वॉयलरों का प्रस्ताव भी रखा है जोकि पार्क में स्टीम की मांग को पूरा करने के साथ-साथ 36 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन भी करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना की पूंजीगत लागत लगभग 1923 करोड़ रुपये है। इसमें से केंद्र सरकार से 1000 करोड़ रुपये का अनुदान मिलेगा। जबकि, शेष 923 करोड़ की राशि प्रदेश सरकार देगी।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से ट्रेकिंग प्रतिस्पर्धा ‘द सिल्क रूट-द हिमालयन एक्सपीडिशन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि ‘सिल्क रूट’ एक बहुत ही महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक व्यापारिक मार्ग था। एशियाई देशों चीन, भारत, फारस, अरब, ग्रीस और इटली से होता हुआ यह व्यापारिक मार्ग भूमध्य सागर तक फैला हुआ था। ईसा पूर्व दूसरी शताब्दी से 14वीं शताब्दी ईस्वी तक इस मार्ग की बहुत महत्ता थी। राज्यपाल ने कहा कि उस अवधि के दौरान बडे़े पैमाने पर होने वाले रेशम के व्यापार के कारण इस व्यापारिक मार्ग को ‘सिल्क रूट’ का नाम दिया गया था। उन्होंने कहा कि रामपुर, नारकंडा, शिमला, कालका होते हुए दिल्ली तक यह मुख्य व्यापारिक मार्ग था। लेकिन, कालांतर में सड़कों के विकास के साथ ही यह पुराना मार्ग भुला दिया गया और यह इतिहास बन गया। ट्रेकिंग जैसे साहसिक एवं रोमांच भरे आयोजन की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां इस पुराने भुलाए जा चुके सिल्क रूट को पुनर्जीवित करने में बहुत सहायक सिद्ध होगी। सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन निःसंदेह काफी रोमांचक होगा। इस अवसर पर कृषि विभाग के सचिव राकेश कंवर, नगर निगम शिमला के बैनमोर वार्ड की पार्षद डॉ.किमी सूद, सामाजिक कार्यकर्ता रोहिताश चंद्र, ट्रेकिंग अभियान के आयोजक एवं प्रसिद्ध ट्रेकर रजत जमवाल और अन्य लोग भी उपस्थित थे।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने राजभवन में राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 10 बैटरी संचालित जॉयस्टिक वाली व्हील चेयर लाभार्थियों को भेंट की। ये व्हीलचेयर मेडिवा कंपनी द्वारा बनाई गई हैं और आउटलाइन सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा रेडक्रॉस को दान की गई हैं। राज्यपाल ने इस पुनीत कार्य के लिए आउटलाइन सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का आभार व्यक्त किया और कहा कि रेडक्रॉस पीड़ित मानवता की सेवा के लिए निरन्तर काम कर रहा है। सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता एम.सुधा देवी, राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा, आउटलाइन सिस्टम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सुरेन्द्र शर्मा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला जिला के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के नेरवा में 175 करोड़ रुपये लागत की 30 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। प्रगतिशील हिमाचलः स्थापना के 75 वर्ष कार्यक्रम के उपलक्ष्य में महाविद्यालय मैदान नेरवा में विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया जा रहा है, जो इसे अन्य कार्यक्रमों से अलग बनाता है, जिनमें राजनैतिक नेताओं का महिमा मण्डन किया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौपाल क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और इसे प्रसिद्ध पर्यटन गंतव्य बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के लिए कुपवी क्षेत्र में उपमण्डलाधिकारी कार्यालय और महाविद्यालय तथा नेरवा में नगर पंचायत खोली गई है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए इस विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्यालय खोले गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने जरूरतमंदों की मदद के लिए मुख्यमंत्री सहारा योजना, हिमकेयर, मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना, मुख्यमंत्री शगुन योजना, मुख्यमंत्री स्वाबलंबन योजना और कई अन्य कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने हैरानी व्यक्त की कि कई वर्षों के अनुभव के बड़े-बड़े दावे करने वाले विपक्ष के नेता ऐसी योजनाओं की कल्पना भी नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से बीमार और असहाय 21,000 से अधिक लोगों को मुख्यमंत्री सहारा योजना के तहत प्रति माह 3000 रुपये की राशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 3.37 लाख से अधिक मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एक कदम आगे बढ़ते हुए महिला यात्रियों को एचआरटीसी बसों में किराये में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की है। इतना ही नहीं, प्रदेश में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली और ग्रामीण क्षेत्रों में सभी लोगों को मुफ्त पेयजल भी उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में रिकॉर्ड वृद्धि की है। लगभग पांच वर्ष पहले प्रदेश की सत्ता संभालते ही सरकार ने बिना आय सीमा के वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष कर दिया था और अब इसे 60 वर्ष कर दिया गया है। इससे लाखों वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जरुरतमंदों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन उपलब्ध करवाने पर प्रदेश सरकार 1300 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। इसके बावजूद कांग्रेसी नेता राज्य सरकार पर कमजोर वर्गों की अनदेखी के निराधार आरोप लगा रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता को सरकार की ओर से दी जा रही ये बड़ी राहत विपक्षी नेताओं को रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता सरकार पर प्रदेश के लोगों को मुफ्त की आदत डालने का आरोप लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता विपक्ष के बड़े-बड़े दावों के बहकावे में नहीं आने वाली और उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को एक बार फिर अपना पूरा समर्थन देने का आग्रह किया ताकि विकास की गति निर्बाध रूप से चलती रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 1.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मुंडला-साड़ी सड़क, 2.88 करोड़ रुपये की मशरैन-थियारा सड़क, 3.74 करोड़ रुपये की सगरोटी-मानियोटी सड़क, 3.83 करोड़ रुपये से निर्मित धरतुआ-घरीन (मगरोग) मार्ग और 9.09 करोड़ रुपये की शीरगाह-शालन सड़क, 82 लाख रुपये की लागत से निर्मित शीकियार संदली भोलाला संपर्क मार्ग और अजीतपुर-गड्डा बावरा संपर्क मार्ग का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने 8.42 करोड़ रुपये से निर्मित थरोच-मंधाना सड़क, 3.97 करोड़ रुपये की किरी-खराचली सड़क, 1.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना जारवा-जंदर, 25 लाख रुपये की लागत से नानू-कुथार बड़ाधर, कनूरी सड़क के उन्नयन, 8.89 करोड़ रुपये लागत की बालघर, तिहाना धार, मेहाधार, बटेवारी, कलाना, सुजना सड़क, घोरना-देवठ रोड पर बलसन खड्ड पर 85 लाख रुपये के पुल और ग्राम पंचायत कुठार, बासाधार, बागरी और गोरना के विभिन्न गांवों के लिए 6.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना का उदघाटन भी किया। उन्होंने सरैन में लोक निर्माण विभाग के उपमंडल, चौपाल में आयुर्वेदिक औषधालय, देहा में अग्निशमन चौकी, पुलबाहल में नवस्तरोन्नत पशु चिकित्सालय और चौपाल में अग्निशमन चौकी से स्तरोन्नत अग्निशमन केंद्र का शुभारंभ भी किया। इनके अलावा मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के शिलान्यास भी किए। इनमें चौपाल में जल जीवन मिशन के तहत लगभग 10.23 करोड़ रुपये की पांच उठाऊ पेयजल योजनाओं के कार्य, नेरवा के लिए 25.61 करोड़ रुपये की मल निकासी योजना,1.57 करोड़ रुपये की पेयजल योजना सुंडला गडाह, ग्राम पंचायत ननहार में पेयजल योजना झीना जुबड़ी का सुदृढ़ीकरण 1.05 करोड़ रुपये, पेयजल योजना नियोटी खड्ड-उप महल नाओ धार, उप महल बावी और उप महल रूसलाह 5.73 करोड़ रुपये और चौपाल विधानसभा क्षेत्र की पांच पेयजल योजनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं रेट्रोफिटिंग के लिए 10.23 करोड़ रुपये की परियोजना शामिल है। मुख्यमंत्री ने जल शक्ति उपमंडल चौपाल के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं के 14.67 करोड़ रुपये के सुदृढ़ीकरण कार्य, जल शक्ति उपमंडल कुपवी के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं के 5.07 करोड़ रुपये के सुदृढ़ीकरण कार्य, आरडीएसएस योजनाओं के तहत चौपाल विधानसभा क्षेत्र में 30.45 करोड़ रुपये के विकास कार्यों, तहसील ठियोग में एशियन विकास बैंक की मदद से बाग बरोग, बैचर, शिरगुली और देउठी की पुरानी पेयजल योजनाओं के 4.34 करोड़ रुपये के जीर्णोद्धार कार्य, जल शक्ति उपमंडल सैंज के तहत पुरानी योजनाओं के 12 करोड़ रुपये के सुदृढ़ीकरण कार्य और 1.57 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना खगना अप्पर और सुंडला गराह के जीर्णोद्धार कार्य की आधारशिला भी रखी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दौरे से चौपाल विधानसभा क्षेत्र के लोगों को निराशा मिली है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक सरकार के सामने क्षेत्र की जनता और मांगों को मनवाने में पूरी तरह से नाकाम रहे हैं। चौपाल क्षेत्र के लिए कोई नई घोषणाएं नहीं हुई, इससे लोगों के हाथ मायूसी लगी है। किमटा ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिन परियोजनाओं के उद्घाटन हुए वो पूर्व कांग्रेस सरकार के समय में शुरू किए गए थे। वहीं जो कुछ शिलान्यास हुए हैं, उनके लिए बजट का कोई प्रावधान नहीं किया गया है। किमटा ने स्थानीय विधायक बलवीर वर्मा पर हमला बोलते हुआ कहा कि वे पांच वर्षाें में सरकार से चौपाल विधानसभा क्षेत्र के लिए कुछ भी नहीं मांग पाए। इससे चौपाल विकास के मामलों में पिछड़ गया है। पूरे चौपाल क्षेत्र में सड़कों की हालात बदतर है। इसके चलते सेब सीजन में लोगों को अपनी फसल मार्केट तक पहुंचाने में दिक्कतें हुईं। विधायक सड़कों को दुरूस्त करवाने में नाकाम रहे। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब हालात को देखते हुए स्थानीय विधायक ने हवाई दौरा करवाकर मुख्यमंत्री को क्षेत्र की वस्तु स्थिति से अनजान रखा। कांग्रेस नेता ने चौपाल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदतर स्थिति पर भी चिंता जाहिर की और कहा कि पूरे विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पटरी से उतरी हुई है। चौपाल और नेरवा के अस्पतालों को सिविल अस्पताल का दर्जा तो दिया गया है, मगर सुविधाएं यहां पीचीएस स्तर की भी नहीं है। अभी तक इन अस्पतालों में अल्ट्रा साउंड की सुविधाएं भी नहीं है और विधायक अब जाकर अल्ट्रा साउंड मशीन की मांग कर रहे हैं। किमटा ने कहा है कि बुधवार को नेरवा में हुए कार्यक्रम में स्थानीय विधायक ने लोगों को लुभाने का हर संभव प्रयास कर इस कार्यक्रम में भीड़ जुटाने की कोशिश की। इस कार्यक्रम के लिए सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग किया गया। हालात यह रही कि अधिकतर बस रूट कैंसल कर लोगों को परेशान किया गया। इस कार्यक्रम में आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, मनरेगा मजदूर और लाभार्थियों को लाकर भीड़ इकट्ठी करने का असफल प्रयास विधायक ने किया। लोगों के लिए बड़ी सौगातें दिलाने का आश्वासन विधायक ने दिया, मगर मुख्यमंत्री से किसी भी मांग को मनवाने में वे असफल रहे। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव और हिमाचल स्थपना के 75 वर्ष पर होने वाले इस कार्यक्रम में 50 लाख से भी ज्यादा का खर्च किया गया। चौपाल की जनता को कुछ भी नहीं मिला। उन्होंने कहा कि हिमाचल और चौपाल की जनता बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है और इसलिए वह प्रदेश भाजपा सरकार को बदलने का पूरा मन बना चुकी है। हिमाचल की जनता आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को भारी बहुमत जीताएगी।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर यमुना की एक सहायक नदी टोंस नदी पर प्रस्तावित राष्ट्रीय महत्व की किशाऊ बांध परियोजना के क्रियान्वयन के संबंध में दिल्ली में एक बैठक में वर्चुअल माध्यम से भाग लिया। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जय रम ठाकुर चौपाल के नेरवा क्षेत्र से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। इस बैठक में हरियाणा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार से इनपुट पॉवर लागत को 2.30 रुपये प्रति किलोवाट ऑवर पर स्थिर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे बिजली घटक लागत को कम रखा जा सकेगा और हिमाचल प्रदेश इसे वहन कर सकेगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस परियोजना से उत्पन्न बिजली हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड के मध्य समान रूप से बांटी जाएगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार जल घटक की 90 प्रतिशत और लाभान्वित राज्य 10 प्रतिशत लागत वहन करेंगे। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड सरकारों ने पहाड़ी राज्यों के सीमित बजट संसाधनों और अन्य राज्यों की तुलना में कम लाभ के दृष्टिगत केन्द्र सरकार द्वारा ऊर्जा घटक की 90 प्रतिशत लागत को वित्तपोषित करने का भी आग्रह किया है। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से इस परियोजना में लागत वृद्धि के बचने के लिए इस मामले में तेजी लाने का आग्रह किया। क्योंकि हिमाचल और उत्तराखण्ड की सरकारें राहत और पुनर्वास संबंधी मामलों का भी वहन करेगी। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सभी हितधारक राज्यों के मुख्यमंत्रियों से राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना पर समन्वय सुनिश्चित करने का आग्रह किया ताकि इस परियोजना पर शीघ्र कार्य शुरू किया जा सके। इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के सचिव अजय शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
The print ने दिखाया प्रतिभा सिंह को आईना: लखविंदर राणा फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल के पत्रकारों को झूठा कहकर अपमानित करने वाली कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मीडिया हाउस ने बता दिया कि आप हर जगह राजपरिवार की धौंस नहीं दिखा सकते। विधायक लखविंदर राणा ने कहा कि प्रतिभा सिंह ने गुड़िया प्रकरण को लेकर भी सार्वजनिक मंच पर बयान दिया था कि वो एक छोटी सी घटना थी, लेकिन जब मीडिया ने उस बयान के दिखाया, तो फिर प्रतिभा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। लखविंदर राणा ने कहा कि इसी तरह अब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की ओर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को समय न देने के बात उन्होंने खुद इंटरव्यू कही। जब इंटरव्यू को मीडिया हाउस ने प्रकाशित किया, तो पहले उन्होंने मीडिया हाउस को धमकाते हुए माफी मांगने के लिए कह दिया, लेकिन जब मीडिया हाउस ने इंटरव्यू की वीडियो जारी की तो फिर प्रतिभा सिंह सफाइयां देने लगी और माफी मांगी। लखविंदर राणा ने कहा कि यही वजहें, जिसकी वजह से हमें भी कांग्रेस पार्टी छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा और बहुत से और नेता सही टाइम पर पार्टी को छोड़ देंगे क्योंकि राष्ट्रीय स्तर पर गांधी परिवार की तरह हिमाचल में राज परिवार ही पार्टी पर हावी हो गया था। लखविंदर राणा ने कहा कि जैसी बात प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी के लिए कही है। खुद वह और उनके बेटे विक्रमादित्य भी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से ऐसा आचरण करते हैं। उन्होंने कहा कि इसका उदाहरण लोग सार्वजनिक मंच से भी देख रहे हैं कि कैसे एक बार के विधायक विक्रमादित्य 5 बार के विधायक को खुले मंच पर मंत्रीपद देने का ऐलान करते हैं। क्या किसी लोकतांत्रिक पार्टी में ऐसा संभव है कि एक बार का विधायक पांच बार के विधायक से वरिष्ठ हो जाए, वह अपने आप को अभी से मुख्यमंत्री मान कर चल रहे, लेकिन जनता सब जानती है और आने वाले चुनाव में इनको अपना अस्तित्व बता देगी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल आना हिमाचल वासियों के लिए गर्व की बात है। नरेंद्र मोदी का हिमाचल की जनता के प्रति स्नेह अद्भुत है और हिमाचल की जनता भी उनको बहुत प्यार करती है। मोदी का हिमाचल में घर घर तक का संपर्क है। प्रधानमंत्री जी का हिमाचल से गहरा नाता है। मुझे पूरा यकीन है की भाजयुमो द्वारा आयोजित युवा रैली भव्य ऐतिहासिक पूर्ण रूप से सफल होगी और मंडी में मोदी को सुनने के लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आने वाले हैं। इस रैली में एक लाख से भी ज्यादा युवा भाग लेने जा रहे हैं। इस रैली से भाजपा में नई ऊर्जा का संचार होगा। इस रैली में हिमाचल प्रदेश के हर बूथ से 20 युवा भाग लेंगे। युवा संकल्प रैली से प्रदेश में काफी हल चल पैदा हुई है और यह प्रथम बार है की एक प्रधानमंत्री किसी मोर्चे की रैली को संबोधित करने जा रहे हैं। सुरेश कश्यप ने कहा की कांग्रेस पार्टी के बयानों से साफ दिख रहा है की कांग्रेस वर्तमान समय में हताश है। कांग्रेस पार्टी की हिमाचल में जमीन खिसकता दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा की सुखविंदर सिंह सुक्खू बताए की जब कांग्रेस की सरकार थी, तो उन्होंने हिमाचल में कितना रोजगार दिया। केवल बयानबीर बन जनता को गुमराह करना बंद करे सुखविंदर सिंह सुक्खू। प्रदेश में जयराम सरकार ने स्वावलंबन योजना से युवाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित किया है और इस स्कीम के अंतर्गत 4000 से ज्यादा यूनिट लग चुके हैं। आज हिमाचल का युवा नौकरी देने वाला बन रहा है। भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार से धरातल पर काम किया है, जिससे कांग्रेस पार्टी भौकला गई है।उन्होंने कहा की पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार का लगातार आशीर्वाद मिल रहा है और भाजपा एकता के साथ हर चनौती का सामना करने को तैयार है। इस बार हिमाचल में रिवाज बदलेंगे और हम एक मजबूत सरकार बनाएंगे।कश्यप ने कहा की भाजपा में चुनाव कौन लड़ेगे वो हमारा शीश नेतृत्व तय करेगा। भाजपा जिताऊ चेहरों को टिकट देगी। हम जल्द बाजी में नहीं सोच समाज कर टिकट देंगे। कश्यप ने कहा की कांग्रेस खोले वादे करती है और जनता को गुमराह करती है। भाजपा की प्रदेश सरकार ने ओपीएस को लेकर एक समिति का गठन भी किया है और जल्द ही हम इस विषय पर एक उचित निर्णय लेंगे, हमने पहले भी कर्मचारियों के सभी हितों की रक्षा की है और आगे भी करेंगे।
जीत पर जीत दर्ज कर रची मिशन रिपीट की गाथा फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में लगातार सफलता का इतिहास रचा है। भारत की सर्वविकास नीति खुली सोच और व्यवहारिकता पर आधारित 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के सूत्र पर आधारित है तथा जटिल मुद्दों के समाधान के लिए इसमें 'सबका प्रयास' के तत्व भी समाहित हैं। जीत पर जीत दर्ज कर रची मिशन रिपीट की गाथा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में सरकार को रिपीट किया। भाजपा हिमाचल में भी एक बार सशक्त सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर कहा करते थे कि स्वराज तो हमें मिल गया, लेकिन सुराज कब मिलेगा, सुशासन कब मिलेगा।उन्होंने कहा कि सुशासन की कमी की वजह से लोगों का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर से विश्वास कम होता जा रहा था। उन्होंने कहा कि सुशासन को जमीनी स्तर तक पहुंचाकर प्रधानमंत्री मोदी ने लोकतंत्र पर जनता का विश्वास बहाल किया है। खन्ना ने कहा ने कहा कि लोगों को लगता है कि मोदी 2014 में सरकार चलाने के लिए सत्ता में नहीं आए हैं, बल्कि एक साफ-सुथरी, पारदर्शी और कल्याकारी प्रशासन देने के लिए आए हैं और ऐसा करके उन्होंने देश की स्थिति ही बदल दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद लोकतंत्र पर लोगों का भरोसा बढ़ा है। क्योंकि उन्हें मोदी सरकार की विकास योजनाओं के लाभ मिलने लगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले कई सरकारें बदलीं। कई सरकारें आईं और कई सरकारें गईं, लेकिन जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सत्ता में आए, तो लोगों को लगा कि यह सरकार देश को बदलने आई है ना कि सरकार चलाने। खन्ना ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने वोट बैंक को सामने रखते हुए कुछ निर्णय लिए लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार लोगों को अच्छा लगे, ऐसे फैसले नहीं लेती है, बल्कि लोगों के लिए अच्छे हों, ऐसे फैसले लेती है। यह एक बहुत बड़ा अंतर है। कुछ निर्णयों से आपकों कुछ समय के लिए लोकप्रियता तो हासिल हो जाती हैं, लेकिन समस्याएं समाप्त नहीं होतीं। उन्होंने कहा कि मोदी ने सभी को साथ लेकर सुशासन को साकार करने दिशा में प्रयास किए। सुशासन की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों की अपेक्षा है कि विकास का जो मॉडल हो सर्वस्पर्शी व सर्वसमावेशक हो और देश का कोई क्षेत्र ऐसा न हो, जिसमें विकास का स्पर्श न होता हो तथा समाज का कोई व्यक्ति ऐसा न हो जिसका विकास के मॉडल में समावेश न हो। उन्होंने कहा कि लोगों को सुशासन के मंत्र से अपेक्षा है कि एक सर्वस्पर्शी व सर्वसमावेशी विकास हो, संपूर्ण भ्रष्टाचार का उन्मूलन हो, पारदर्शी शासन व्यवस्था हो और मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के लिए निष्ठावान प्रयास हो। उन्होंने कहा कि सुशासन तभी स्थापित होता है, जब सरकार लोगों के प्रति जवाबदेह और उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील हो। उन्होंने कहा कि यह सारे प्रयास ऐसे होने चाहिए, जिससे कि लोगों का सरकार पर विश्वास और सरकार का लोगों पर विश्वास बढ़े। उन्होंने ने भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने पिछले सात वर्षाें में भ्रष्टाचार पर एक बहुत बड़ा कुठाराघात किया है। उन्होंने कहा कि सात साल सरकार में रहने के बाद भी हम विश्वास से कहते हैं कि यह एक ऐसी सरकार है, जिसके खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है और न ही कोई यह आरोप लगा सकता है। उन्होंने ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले इस देश मे 60 करोड़ लोग ऐसे थे, जिनके परिवार में एक भी बैंक खाता नहीं था और किसी के घर में बिजली नहीं थी, तो किसी के पास घर ही नहीं था। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ से ज्यादा परिवार ऐसे थे, जिनके पास शौचालय ही नहीं था, लेकिन एक ही सरकार के सात साल के कालखंड में कृषि का भी विकास हुआ है, औद्योगिक विकास भी हुआ है, गांवों में भी विकास हुआ है और शहरों में भी विकास हो रहा है, देश की सीमाएं भी सुरक्षित हुई हैं और पूरे विश्व के साथ हमने संबंध भी अच्छे किए हैं।
अमीषा कुल्ला। शिमला हिंदू जागरण मंच से अभिषेक नैंटा ने जानकारी देते हुए कहा की पिछले कल राजधानी शिमला में मंगलवार को नगर पंचायत चिड़गांव के एक पार्षद मिरसुख और ठियोग विधानसभा के विधायक राकेश सिंह ने हिन्दू धर्म के खिलाफ नारेबाजी करके हिन्दू धर्म एवं सनातन धर्म से जुड़े़ लोगों की भावनाओं को आहत किया हैं। उन कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहा जाता है और इस तरह की नरेबाज़ी का हमारी देवभूमि में कोई स्थान नहीं है। आजादी आजादी के नारेबाजी करना बहुत ही शर्मनाक हैं। उन्होंने कहा कि हिन्दू एवं संनातन धर्म का अपमान हमे बिलकुल भी बर्दाशत नहीं हैं। इसलिए आज हिन्दू जागरण मंच ने मिरसुख के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी हैं। ऐसे लोग जो समाज ओर धर्म से विपरित विचार रखते है। समाज को बांटने एवं जहर घोलने की बात करते हैं, हमें उमिद है कि प्रशासंन समाज एवं धर्म विरोधी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ कड़ी एवं न्यायोचित कार्रवाई अमल में लाएगा, ताकी भविष्य मे कोई हमारे संनातन धर्म के खिलाफ अनाप-शनाप बोलने की हिम्मत न कर सके। उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं होती है, तो जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
आम आदमी पार्टी के बाद माकपा ने भी हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। अब केवल शिमला, ऊना, सोलन और कुल्लू के प्रत्याशियों के नाम तय होने हैं। माकपा नेता और ठियोग के विधायक राकेश सिंघा फिर चुनाव मैदान में उतरेंगे। माकपा राज्य कमेटी की बैठक मंडी में 2 अक्तूबर को होगी। अन्य सीटों पर माकपा विधानसभा चुनाव में भाकपा के साथ तालमेल करके चुनाव में जुटेगी। पार्टी के प्रदेश सचिव ओंकार शाद की अध्यक्षता में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को अहम बैठक हुई। माकपा प्रदेश सचिव ओंकार शाद ने बताया कि ठियोग से विधायक राकेश सिंघा, आनी से देवकी नंद, जोगेंद्रनगर से कुशाल भारद्वाज, धर्मपुर मंडी भूपेंद्र सिंह, सराज महेंद्र राणा, हमीरपुर डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, चंबा नरेंद्र सिंह, पच्छाद आशीष कुमार, कसुम्पटी डॉ. कुलदीप सिंह तंवर और करसोग से किशोरी लाल जुब्बल कोटखाई से विशाल शागटा को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया है। अब शिमला, अर्की और कुल्लू सीटों के लिए माकपा प्रत्याशियों के नाम शीघ्र ही तय होने हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला आम आदमी पार्टी के बाद माकपा ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 11 प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। अब शिमला, ऊना, सोलन और कुल्लू के प्रत्याशियों के नाम तय होने हैं। माकपा नेता और ठियोग के विधायक राकेश सिंघा फिर चुनाव मैदान में उतरेंगे। माकपा राज्य कमेटी की बैठक मंडी में 2 अक्तूबर को होगी। अन्य सीटों पर माकपा विधानसभा चुनाव में भाकपा के साथ तालमेल करके चुनाव में जुटेगी। माकपा प्रदेश सचिव ओंकार शाद ने बताया कि ठियोग से विधायक राकेश सिंघा, आनी से देवकी नंद, जोगिंद्रनगर से कुशाल भारद्वाज, धर्मपुर मंडी भूपेंद्र सिंह, सराज महेंद्र राणा, हमीरपुर डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर, चंबा नरेंद्र सिंह, पच्छाद आशीष कुमार, कसुम्पटी डॉ. कुलदीप सिंह तंवर और करसोग से किशोरी लाल जुब्बल कोटखाई से विशाल शागटा को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया है। अब शिमला, अर्की और कुल्लू सीटों के लिए माकपा प्रत्याशियों के नाम शीघ्र ही तय होने हैं।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है। मंगलवार को राजधानी शिमला में हलकी बारिश का दौर जारी रहा। वहीं, मनाली व लाहौल की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश से अगले सप्ताह दक्षिण पश्चिम मानसून के विदा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 26 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है। बीते 24 घंटों के दौरान जुब्बड़हट्टी में 48, शिमला 35, पांवटा साहिब और कंडाघाट में 26-26, करसोग 19, पच्छाद 14, बंजार, गोहर, और जंजैहली में 13-13, संगड़ाह व बलद्वारा 12-12, रेणुकाजी 11 और पंडोह में 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं शिमला में न्यूनतम तापमान 15.3, सुंदरनगर 18.6, भुंतर 18.9, कल्पा 10.6, धर्मशाला 19.2, ऊना 23.8, नाहन 22.3, केलांग 9.0, पालमपुर 17.5, सोलन 17.2, मनाली 14.4, कांगड़ा 21.6, मंडी 20.0, बिलासपुर 22.0, हमीरपुर 21.4, चंबा 20.7, डलहौजी 16.4, जुब्बड़हट्टी 17.2, कुफरी 13.9 और पांवटा साहिब में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर डलहौजी में 21, चंबा 29.5, केलांग 15.2, कांगड़ा 29.6, धर्मशाला 28, पालमपुर 23.6, हमीरपुर 27.6, सुंदरगनर 29.4, ऊना 35, कल्पा 19.8, रिकांगपिओ 22.1, शिमला 22.2 और सोलन में 30 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमानदर्ज किया गया।
हिमाचल सरकार द्वारा विधानसभा में धर्म की स्वतंत्रता संशोधन विधेयक 2022 को पारित किया गया है। लेकिन वहीं धर्म की स्वतंत्रता विधेयक में संशोधन के खिलाफ दलित सड़कों पर उतर आए है। धर्म की स्वतंत्रता विधेयक 2022 में संसोधन के खिलाफ दलित शोषण मुक्ति मंच व प्रदेश भर के दलित संगठनों ने मंगलवार को शिमला में उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त कार्यालय से राजभवन तक रैली निकाली और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर विधेयक को निरस्त करने की मांग उठाई है। इस प्रदर्शन में सीपीआईएम विधायक राकेश सिंघा भी मौजूद रहे। वहीं, शेर-ए-पंजाब से आगे जाने से रोके जाने पर पुलिस के साथ काफी देर तक बहस बाजी भी हुई। दलित शोषण मुक्ति मंच के राज्य संयोजक जगत राम ने कहा कि धर्मान्तरण विरोधी विधेयक 2022 सदन में लाया गया है। यह विधेयक दलित विरोधी हैं। यह दलित समाज पर मनुवादी सोच का हमला हैं। उन्होंने कहा कि यह संवेधानिक स्वतंत्रता के साथ धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला हैं। धर्म परिवर्तन संवेधानिक अधिकार हैं। उन्होंने आगे कहा कि अम्बेडकर ने भी धर्म परिवर्तन किया। संसोधन के बाद इसमें सजा और जुर्माने का प्रावधान किया हैं। कोई एससी अगर धर्म परिवर्तन करता हैं तो उसको आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा। इस विधेयक से हिमाचल के दलित समुदाय पर जबरदस्त हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उसके मौलिक अधिकारों का हनन हो रहा है। क्योंकि इस विधेयक में जो पहले से प्रावधान थे, उन प्रावधानों में और संशोधन कर इसे और कड़ा बनाया गया है। नए प्रावधानों में धर्म परिवर्तन नहीं कर सकते। यदि आप मैरिज दूसरे धर्म के साथ करते हैं और अपना धर्म छिपाते हैं तो उसमें व्यक्ति को 1.50 लाख का जुर्माना व 5 साल की कैद होगी। इसके अलावा अनुसूचित जाति का व्यक्ति यदि धर्म परिवर्तन करता है तो उसको आरक्षण के साथ दूसरा जो लाभ मिलते हैं वो सारे खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह दलित को गुलाम बनाने की साजिश की जा रही है। जिसका सभी संगठन विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक को निरस्त करने के लिए आज राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया है। वहीं, माकपा विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि हिमाचल के अंदर दलितों के अधिकारों का हनन हो रहा है। दलित नेता जिदान की हत्या बेरहमी से कर दी गई थी, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
राजधानी शिमला के होटल में ठहरे एक पर्यटक ने हवा में फायर कर दी। बीती रात को पेश आई इस घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। इस घटना के बाद आरोपी ने खुद को होटल के कमरे में बंद कर दिया और वेटर को भी जान से मारने की धमकी दे डाली। वहीं पुलिस ने होटल मालिक के शिकायत के आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। क्यू कैफे के मालिक मुकेश मल्होत्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके होटल में रुके एक टूरिस्ट ने रात में होटल में अपनी पिस्टल से दो राउंड फायरिंग की और खुद को पिस्टल के साथ कमरे में बंद कर लिया। आरोपी का नाम विश्वनाथ बताया गया है।शिकायतकर्ता का कहना है कि बीती आधी रात 2 बजे विश्वनाथ ने वेटर केदार सिंह से खाने-पीने का सामान लाने को कहा। जिस पर वेटर केदार सिंह ने उस समय ये चीजें लाने से मना कर दिया। वेटर के मना करने के बाद विश्वनाथ ने अपने हथियार से दो राउंड हवा में फायरिंग की और केदार को जान से मारने की धमकी दी। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार का जानी नुक्सान नहीं हुआ हैं। शिकायत पर छोटा शिमला थाने में आईपीसी की धारा 336,506 और 25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जल्द उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। मामले की जांच एसएचओ विकास शर्मा कर रहे हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर जिला कांगड़ा के फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा से पूर्व सांसद रहे डाक्टर राजन सुशांत को टिकट दिया गया है। गौरतलब है कि डॉक्टर राजन सुंशात चार बार विधायक, एक बार मंत्री व एक बार सांसद रहे। सुशांत पहली बार 1982 से 1985 तक भाजपा के विधायक रहे थे। इसके बाद 1985-1990, 1998-2003 व 2007-2009 तक भाजपा के विधायक रहे। 1998-2003 में भाजपा सरकार के कार्यकाल में उन्हें राजस्व मंत्री का पद सौंपा गया था। 2009 में वह सांसद बने। पार्टी के खिलाफ कार्य करने पर उन्हें निलंबित कर दिया था। अपने राजनीतिक करियर में डॉक्टर सुशांत चार बार पार्टी बदल चुके है। 2014 में वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। दो साल तक पार्टी में कार्य करने के बाद उन्होंने 31 जनवरी 2016 को आप से त्यागपत्र दे दिया। इसके बाद वह किसी भी पार्टी से नहीं जुड़े। 2020 में उन्होंने पौंग बांध विस्थापितों का साथ लेकर हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी बनाई। वर्ष 2021 में उन्होंने फतेहपुर उपचुनाव अपनी पार्टी से लड़ा। इसके बाद डॉक्टर सुशांत ने अपनी पार्टी भी छोड़ दी। अब फिर एक राजन सुशांत ने आप का दामन थाम लिया है। आप ने नगरोटा बगवां से उमाकांत डोगरा को मैदान में उतरा है। उमाकांत डोगरा पूर्व में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे है। उन्होंने कांग्रेस का हाथ छोड़ आप का दामन थाम लिया था। उमाकांत डोगरा अरविन्द केजरीवाल के करीबी माने जाते है। वहीं सिरमौर के पांवटा साहिब से मनीष ठाकुर और लाहुल स्पीति से सुदर्शन जस्पा को प्रत्याशी घोषित किया गया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में अब तक कुल 11 गारंटी दी हैं। 10 गारंटी देने की घोषणा हिमाचल में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की। आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद गारंटी कार्यक्रम में नहीं आ पाए। लेकिन अब जल्द ही उनकी जनसभा हिमाचल में होगी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने बताया कि भारत सरकार के केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा हिमाचल प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अरुण मुंडा 21 और 22 सितंबर, 2022 को हिमाचल में होंगे। 21 सितंबर को वह दिल्ली से उदयपुर (लाहौल-स्पीति), धर्मशाला होते हुए हवाई मार्ग से जाने वाले है, जहां वे दोपहर 2 बजे किलाड़ में एक जनसभा में शामिल होंगे। विभिन्न कार्यक्रमों के बाद वह भुंतर जाएंगे और सर्किट हाउस कुल्लू में रात्रि विश्राम करेंगे। 22 सितंबर को अर्जुन मुंडा किन्नौर के नाको जाएंगे, जहां वह सुबह 11 बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे। किन्नौर में अनेकों कार्यक्रमों के बाद वह वापस दिल्ली लौटेंगे।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि प्रदेश में शहरी स्थानीय निकायों और हिमुडा के 500 वर्गमीटर तक के आवासीय प्लाटों में रिहायशी भवन बनाने की अनुमति अब पंजीकृत निजी पेशेवर भी दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में आम लोगों को मकान बनाते समय नगर एवं ग्राम योजना विभाग (टी.सी.पी) के कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि इससे पंजीकृत निजी पेशेवर, स्थल निरीक्षण व निरीक्षण रिपोर्ट करने के बाद केवल 30 दिनों के भीतर हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम योजना नियम 2014 के तहत विकास अनुमति की अनुज्ञा प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि निजी पेशेवर जिन्हें एक वर्ष से ज्यादा का अनुभव है केवल वही इस आदेश के तहत भवन बनाने की अनुमति प्रदान कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि इस आदेश के तहत सभी अनुमतियां पंजीकृत निजी पेशेवरों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से दी जाएगी। इस कार्य के लिए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल में पंजीकृत निजी पेशेवरों को समुचित सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अतिरिक्त विभाग यह भी सुनिश्चित करेगा कि निजी पेशेवरों द्वारा प्रदान की गई अनुमतियों में कोई अनियमितताएं व विसंगतियां न हो। इसके लिए कम से कम 10 प्रतिशत अनुमतियों का सक्षम अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया जाएगा।शहरी विकास मंत्री ने बताया कि इस आदेश के लागू होने के उपरान्त नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, स्थानीय निकायों व साडा द्वारा ही बिजली व पानी के कनैक्शनों के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र, भू-उपयोग परिवर्तन व भू-विभाजन की अनुमति दी जाए।
हिमाचल प्रदेश कैडर, भारतीय प्रशासनिक सेवा 2021 बैच के तीन परिविक्षाधीन अधिकारियों, हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा तथा हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सम्बद्ध सेवा 2022 बैच के 14 परिविक्षाधीन अधिकारियों ने आज ओक ओवर, शिमला में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की। यह अधिकारी हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिप्पा) से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इन अधिकारियों से बातचीत के दौरान आशा व्यक्त की कि वह राज्य के लोगों के कल्याण के लिए समर्पण और प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदार छवि, विभिन्न योजनाओं व कार्यक्रमों के दक्षतापूर्ण कार्यान्वयन, नवोन्मेष पहल सहित अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने युवा अधिकारियों से नए जोश के साथ राज्य की सेवा करने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान के निदेशक ऋग्वेद ठाकुर और अतिरिक्त निदेशक ज्योति राणा उपस्थित थे।
कोटखाई के चोगन कुल्टी पंचायत कयारवी मोड़ पर एक पिकअप हादसे का शिकार हो गई। सेब से लदी HP 63- 4779 पिकअप 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी है। पिकअप चालक अयूब उम्र 36 साल जो गुम्मा का रहने वाला था। इस हादसे में चालक को हल्की चोटें लगी है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला हिमाचल प्रदेश सरकार के ईमानदार और तेजतरार अधिकारी ओंकार चंद शर्मा से केंद्रीय हाटी समिति के अध्यक्ष डॉ. अमि चंद कमल, हाटी विकास मंच के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सिंगटा, महासचिव अतर सिंह तोमर, मुख्य प्रवक्ता डॉ. रमेश सिंगटा, अनिल चौहान, सचिव मदन तोमर, कोषाध्यक्ष भीम सिंह चौहान व नीटू चौहान आदि ने मुलाकात कर गिरीपार के लाखों लोगों को जनजाति अधिकार दिलाने के लिए उनके प्रयासों की सराहना की और जिस प्रकार से व्यक्तिगत तौर ओंकार शर्मा ने लोगों के गिरिपार के लोगों के हित में कार्य किया हाटी समुदाय उनका आभार व्यक्त करता है। उन्होंने तमाम प्रकार की रिपोर्ट्स तैयार करने के लिए उन्होंने बहुत ही शानदार कार्य किया। परिणाम स्वरूप आज हाटी समुदाय को भारत सरकार ने केंद्र से मंजूरी दी है।
महिलाओं को मिलेंगे हर महीने 1500 रुपए, 10 विधानसभाओं से हुई शुरुआत फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला स्थानीय महिलाओं ने बढ़ती बेरोज़गारी और महंगाई के चलते इस आर्थिक मदद को समय की मांग बताया और इस योजना को लेकर महिलाओं में काफ़ी उत्साह भी देखने को मिला, महिलाओं ने बढ़-चढ़कर गारंटी फॉर्म भरे। हिमाचल प्रदेश में 49.27 प्रतिशत आबादी महिलाओं की है। जैसा कि आमतौर पर पहाड़ों में होता है, ग्रामीण क्षेत्राें में महिलाएं घरेलू कामकाज से लेकर पारिवारिक कारोबार में पुरुषों का बराबरी से सहयोग करती हैं। प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में उनकी भागीदारी भी अच्छी खासी है, लेकिन आर्थिक आत्मनिर्भरता के मामले में वे पीछे छूट जा रही हैं। जैसा कि देश के हर हिस्से में है, हिमाचल प्रदेश में भी इस आधी आबादी के श्रम का कोई मूल्यांकन नहीं होता। इसलिए अधिकांशत: उनके हाथ में नक़द राशि नहीं होती और वे आर्थिक रूप से परिवार के पुरुष सदस्यों पर ही निर्भर होती हैं। कांग्रेस पार्टी चाहती है कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जाए, जिससे वे पारिवारिक ज़िम्मेदारियों को और सार्थक ढंग से निपटा सकें। इसलिए हमने यह गारंटी देने का फ़ैसला किया है कि प्रदेश की महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपए अवश्य मिले। सरकार बनने के बाद हम प्रदेश की महिलाओं के खाते में हर महीने यह राशि पहुंचाएंगे। अपनी इस मुहिम को हिमाचल की प्रत्येक महिला तक ले जाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। जवाली, देहरा, सुल्लाह, धर्मशाला, हमीरपुर, नादौन, हरोली, झंडूता, घुमारवीन व सोलन विधानसभाओं में आज से कार्यकर्ताओं का एक जत्था, हर घर पहुंच रहा है। अगले 5 दिन के भीतर पूरी 68 विधानसभाओं में डोर-टू-डोर प्रचार शुरू हो जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन को देश में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा समाज सेवा के रूप में मनाया जा रहा है। राजधानी शिमला में भी इस दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर युवा भारत संस्था और भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित किया गया है। इस शिविर में कार्यकर्ताओं के साथ-साथ शहरवासियों ने भी रक्तदान कर अपना सहयोग दिया। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर यह एक दिवसीय रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में आईजीएमसी के डॉक्टरों की टीम ने रक्तदान करने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और पूरी तरह से स्वस्थ व्यक्ति का ब्लड लिया। डाक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक एकत्रित बल्ड को IGMC हॉस्पिटल भेजा जाएगा और ज़रुरतमंद लोगों के लिए प्रयोग में लाया जाएगा। भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के संयोजक सुनील ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि इस रक्तदान शिविर का सिर्फ एक ही उद्देश्य है कि हमारे छोटे से प्रयास से किसी का बहुमूल्य जीवन बच पाए। उन्होंने कहा कि हम अपने स्वार्थ के लिए बहुत से ऐसे काम करते हैं जिनके कोई मायने नहीं होते लेकिन कभी- कभी किसी की निस्वार्थ रूप से सेवा करना हमारे अन्तर्मन को खुशी देता है। जो मुस्कान किसी को खुशी देने से मिलती है उसका महत्व सबसे बडा होता है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को इस रूप में मनाया जा रहा है जिससे ज़रुरतमंद लोग उन्हें दिल से दुआएं देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिवस पर भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ शुभकामनाएं देता है।
छात्र संघ चुनाव जल्द से जल्द हों बहाल, विवि की ईआरपी प्रणाली में जल्द से जल्द हो सुधार फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने आज विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थी परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि छात्रों से संबंधित इन मांगों को प्रशासन जल्द पूरा करें।इकाई सचिव कमलेश ठाकुर ने बताया की आज विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद को ज्ञापन सौंपा। अपनी मांगों को विस्तार से बताते हुए कमलेश ने कहा कि छात्र संघ चुनावों को जल्द से जल्द बहाल करना चाहिए। छात्र संघ चुनाव छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है और इस अधिकार से छात्रों को वंचित नहीं किया जा सकता है। अपनी दूसरी मांग को लेकर कमलेश ने कहा कि विवि की पेपर चेकिंग एवं विवि की ईआरपी प्रणाली में जल्द से जल्द सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में ईआरपी सिस्टम के जरिए विद्यार्थियों के परिणाम, माइग्रेशन और फीस संबंधी काम होते हैं. सिस्टम में त्रुटियों के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए ईआरपी प्रणाली में जल्द से जल्द सुधार किए जाए। अपनी तीसरी मांग को लेकर कमलेश ने कहा कि बीएड के रेगुलर छात्रों को भी इक्डोल के छात्रों की तर्ज पर डिग्री पूरा करने के लिए 5 वर्ष का समय दिया जाए। अपनी चौथी मांग को लेकर कमलेश ने कहा कि विवि में लंबित पड़ी गैर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द बहाल किया जाए। गैर शिक्षकों की भर्ती न हो पाने के कारण छात्रों को अपने रिजल्ट से लेकर कई अन्य प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अपनी पांचवीं मांग को लेकर कमलेश ने कहा कि विवि में नए छात्रावासों का निर्माण जल्द से जल्द होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक कोने से छात्र इस विवि में पढ़ने के लिए आते हैं, लेकिन उन सभी छात्रों को हॉस्टल प्रदान नहीं किया जाता, उन्हें विवि के नजदीक महंगे कमरों में रहकर अपनी पढ़ाई करनी पडती है। इस कारण उन छात्रों का आर्थिक रूप से शोषण होता है। इसीलिए विवि प्रशासन को जल्द से जल्द नए हॉस्टलों का निर्माण करना चाहिए। अपनी छठी मांग को लेकर कमलेश ने कहा कि 2017 बैच के बीए बीएससी बीकॉम के छात्रों को भी ग्रेस मार्क्स प्रदान किया जाए। अपनी सातवीं मांग को लेकर कमलेश ने कहा कि विवि में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों को दूसरी डिग्री में भी छात्रावासों की सुविधा प्रदान की जाए। अपनी आठवीं और अंतिम मांग को लेकर कमलेश ने कहा कि विवि में जल्द से जल्द इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाए, ताकि छात्रों को बरसात के दिनों में भी किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। कमलेश ने कहा कि विद्यार्थी परिषद आशा करती है कि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द उनकी इन मांगों को पूरा करेगा। साथ ही साथ उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए भी कहा कि अगर जल्द से जल्द इस मांग को पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले समय में प्रशासन को विरोध का सामना करना पड़ेगा, जिसके लिए प्रशासन स्वंय जिम्मेदार होगा।


















































