एड्स महामारी के बारे में जागरूकता फैलाने, बीमारी से पीड़ित लोगों को समर्थन दिखाने और इस बीमारी से जान गंवाने वालों को याद करने लिए हर वर्ष 1दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय एड्स डे मनाया जाता है। इसी के तहत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांगणा में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए वर्ल्ड एड्स डे मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा वर्ल्ड एड्स डे पर एचआईवी या एड्स के बारे में जागरुकता का प्रतीक "रेड रिबन" को लाइन में खड़े होकर प्रदर्शित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय कुमार व अन्य अध्यापको के द्वारा विद्यार्थियों को महामारी के फैलने व रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही इस महामारी को लेकर समाज में फैली हुई भ्रांतियों को ना मानने के बारे में भी अवगत करवाया गया।
सेवानिवृत अधिकारियों को सेवा विस्तार देने के मामले में भाजपा सरकार रिटायर्ड और टायर्ड फॉर्मूले पर कार्य कर रही है। यह बात युवा कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अनिल कुमार ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार ने शिमला जिले के प्रारंभिक उपशिक्षा निदेशक को चौथी बार सेवा विस्तार दिया है जो कि समझ से परे है। युवा कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अनिल कुमार ने जारी ब्यान में कहा कि सरकार उपशिक्षा निदेशक भाग चंद चौहान पर खासी मेहरबान है। इस बावत शिक्षा सचिव की ओर से आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, जिसका युवा कांग्रेस विरोध करती है। कुमार ने कहा कि युवा कांग्रेस सरकार के इस फैसले जिसमें कर्मचारियों और अधिकारियों को सेवा विस्तार रोजगार दिया जा रहा है उसका विरोध करती है। अनिल ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार युवा व बेरोजगारों की विरोधी है।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई कर्मचारी संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक को ड्रामा करार दिया है। धरवाल कहा कि जयराम सरकार ने चार साल के पश्चात पहली बार संयुक्त सलाहकार समिति की बैठक बुलाई और कर्मचारियों को लालीपॉप पकड़ा दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों को पंजाब वेतन आयोग के अनुसार हर दस वर्षों के पश्चात संशोधित वेतनमान दिया जाता है जोकि पंजाब सरकार के लागू करने के पश्चात स्वभाविक रूप से हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों को मिलना ही होता है। इस मुद्दे को संयुक्त सलाहकार समिति में लाने का प्रश्न ही उत्पन्न नहीं होता जिसका सरकार क्रडिट ले रही है। धरवाल ने कहा कि नया वेतनमान फरवरी में देने की बात तो कही लेकिन एरियर और डीए का जिक्र भी नहीं किया। दूसरा जिस फैमिली पेन्शन की बात की जा रही है उस फैमिली पेंशन घोषणा तत्कालीन धूमल सरकार ने 2009 में की हुई थी। जिसका क्रियान्वयन करने के लिए बारह वर्ष लग गए। अनुबन्ध अवधि को तीन साल से घटाकर दो साल किया गया है जोकि भारतीय जनता पार्टी के दृष्टि दस्तावेज में था कि हम सरकार में आते ही अनुबंध अवधि को तीन साल से घटाकर दो साल कर देंगे। उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार पुलिस के कर्मचारियों को बावर्दी अपने हक के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा, हिमाचल परिवहन के कर्मचारी टूल डाऊन हड़ताल कर रहे हैं और आशा वर्करज अपनी मांगों के लिए भटक रही हैं।
राजकीय महाविद्यालय जोगिन्दरनगर में महाविद्यालय की एनएसएस, एनसीसी यूनिट रोवर्स रेंजर्स व रेड रिबन क्लब के सहयोग से विश्व एड्स दिवस के मौके कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में व्याख्यान, पोस्टर, नारा लेखन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्रभारी डॉ पवन कुमार, डॉ संजीत सिंह और उत्तम भरद्वाज ने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए 1 दिसंबर को वर्ल्ड एड्स दिवस मनाया जाता है। वर्ल्ड एड्स दिवस 2021 की थीम "असमानताओं और एड्स को समाप्त करें" रखी गई है। वैश्विक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विश्व एड्स दिवस मनाने की शुरुआत 1 दिसंबर 1988 को में की गई थी। कार्यक्रम में सिविल हॉस्पिटल जोगिन्दरनगर की चिकित्सक डॉ आंचल ठाकुर को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। उन्होंने छात्रों को एड्स एवं एचआइवी के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और स्वयं सेवकों को समाज में फैली एड्स संबंधित भ्रांतियोंं के निवारण व बचाव के लिए जन जागरूकता लाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने धर्मपुर में लोक निर्माण विभाग का वृत कार्यालय खोलने व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मण्डप को स्तरोन्नत कर 50 बिस्तर का अस्पताल बनाने की घोषणा की। उन्होंने ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और राज्य के प्रत्येक क्षेत्र का चहुँमुखी विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीँ उन्होंने मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में 381 करोड़ रुपये की 96 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर लोगों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र के लोग भाग्यशाली हैं कि उन्हें प्रदेश विधानसभा में प्रतिनिधित्व के लिए एक करिश्माई और समर्पित नेतृत्व प्राप्त है।धर्मपुर क्षेत्र के लिए आज एक ऐतिहासिक अवसर है जब 381 करोड़ रुपये की 96 विकास परियोजनाएं लोगों को समर्पित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी ने विश्व अर्थव्यवस्था को बुरी तरह से झकझोर दिया है और हिमाचल भी इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व और राज्य सरकार के सामयिक निर्णयों तथा लोगों की सक्रिय सहभागिता से देश और प्रदेश इस स्थिति से बेहतरीन ढंग से निपटने में सफल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महामारी के बावजूद उन्होंने राज्य के 42 विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 4500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। विपक्षी दल कांग्रेस ने इस आपदा के दौरान कुछ नहीं किया और वे इस संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने में ही व्यस्त रहे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को याद दिलाते हुए कहा कि महामारी के प्रसार के दौरान प्रदेश में केवल 50 वेंटिलेटर ही उपलब्ध थे जबकि आज एक हजार से अधिक वेंटिलेटर राज्य में उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन प्रदेश के लोगों के लिए वरदान सिद्ध हो रहा है और प्रदेश सरकार अगले वर्ष के मध्य तक राज्य के प्रत्येक घर तक नल से जल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने गंभीर रूप से बीमार लोगों को बेहतर उपचार सुविधा प्रदान करने के लिए सहारा योजना प्रारम्भ की है जिसके अन्तर्गत प्रतिमाह तीन हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। गृहिणी सुविधा योजना के अन्तर्गत 3.25 लाख परिवारों को निःशुल्क गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाए गए हैं। हिमकेयर योजना के तहत पात्र परिवारों को 5.25 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जा रहा है और योजना के अन्तर्गत 2 लाख सात हजार परिवारों को लाभ पहुंचा है। वृद्धजनों, विधवा, परित्यक्त और विशेष रूप से सक्षम लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। बी.पी.एल. परिवारों से संबंधित बेटियों के विवाह पर उन्हें शगुन योजना के अन्तर्गत 31 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 50 वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस नेताओं ने कभी ऐसी कल्याणकारी योजनाओं पर विचार नहीं किया और वे केवल अपने विकास में ही व्यस्त रहे।
छोटी काशी मंडी में विकास को नये आयाम देने वाले भव्य-दिव्य शिव धाम का काम जोरों पर चल रहा है। मंडी के कांगणीधार में साढ़े नौ हेक्टेयर क्षेत्र में 150 करोड़ रुपये से बन रहा दिव्य शिवधाम भव्यता में किसी अजूबे से कम नहीं होगा। पहले चरण के काम पर 40 करोड़ रुपये खर्चे जा रहे हैं। इसमें पहाड़ी की कटिंग और जमीन को समतल बनाने के अलावा मंदिरों के स्तंभ खड़े का काम तेजी से चल रहा है। शिवधाम के प्रथम चरण का कार्य सितंबर 2022 से पहले पूरा कर लिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से देश-दुनिया में मंडी धार्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन मानचित्र पर मजबूती से उभरेगा और दुनियाभर के पर्यटकों के लिए मंडी में पर्यटन गंतव्य का नया स्वरूप देखने को मिलेगा। बता दें, मुख्यमंत्री ने इस ड्रीम प्रोजेक्ट शिवधाम का 27 फरवरी, 2021 को मंडी में शिलान्यास किया था। उन्होंने इस सौगात से छोटी काशी मंडी को धार्मिक पर्यटन के आकर्षण का केंद्र बनाने का सपना साकार किया है। मंडी में शिव धाम से विकास को नए आयाम मिलेंगे। इस परियोजना से लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे। भव्य दिव्य शिव धाम, बेजोड़ होगा स्वरूप पर्यटन विभाग मंडी के उपनिदेशक एस.के.पराशर शिवधाम के स्वरूप की जानकारी देते हुए बताते हैं कि शिवधाम में प्रवेश के लिए कैलाश द्वार होगा। यहां श्रीगणेश मंडल के भी दर्शन होंगे, जिसमें भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा स्थापित होगी। इसके अलावा गंगा कुंड होगा, शिव वंदना के नाम से ओरिएंटेशन सेंटर होगा। रुद्रा मंडल और डमरू मंडल होगा, जहां भगवान शिव के डमरू के दर्शन और डमरू मंडल के पास खाने पीने की वस्तुएं भी मिलेंगी। मानसरोवर कुंड, मोक्ष पथ, बिल्वपत्र कुंड, शिवस्मृति म्यूजियम तथा एक बड़ा शिवलिंग भी स्थापित होगा जिसे चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग से ही पर्यटक दूर से देख कर आकर्षित होंगे। वहीं शिवधाम में भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन भी करवाए जाएंगे और भगवान शिव के साथ माता पार्वती, कार्तिकेय और गणेश भगवान की प्रतिमाएं भी होंगी। इसके अलावा यहां हर्बल गार्डन, नक्षत्र वाटिका, एमफी थियेटर होगा और सैकड़ों गाड़ियों के लिए पार्किंग सुविधा होगी। भोले की नगरी में शिव धाम की सार्थकता शैव मत से प्रभावित इस पहाड़ी रियासत की आधुनिक राजधानी की स्थापना बाबा भूतनाथ के मंदिर के निर्माण के साथ ही हुई है। इसके अलावा शिव नगरी मंडी में त्रिलोकीनाथ, महामृत्युंजय, पंचवक्त्र, अर्धनारीश्वर, नीलकंठ, शिव शंभू महादेव, एकादश रुद्र महादेव, रुद्र महादेव आदि अनेक शिव मंदिर हैं, जो बाबा भूतनाथ की नगरी को छोटीकाशी के रूप में पहचान दिलाते हैं। अब 12 ज्योतिर्लिंगों वाले शिवराम की स्थापना से छोटी काशी पर्यटन के मानचित्र पर नए आयाम स्थापित करेगी।
हिमाचल सरकार द्वारा बेटियों के विवाह पर प्रदान खुशियों के शगुन से प्रदेश के गरीब परिवारों में खुशहाली की मधुर धुन बज रही है। हिमाचल सरकार शगुन योजना के तहत गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह पर 31 हजार रुपये दे रही है। इसी कड़ी में मंडी जिले की सैंकड़ों लाभार्थियों ने भी गरीबों की मदद को चलाई शगुन योजना के लिए मुख्यमंत्री का तहेदिल से धन्यवाद किया है। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा चलाई शगुन योजना से गरीब परिवारों की मदद हो रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग मंडी की जिला कार्यक्रम अधिकारी अंजु बाला ने बताया कि सरकार ने शगुन योजना इसी साल अप्रैल में शुरू की है। पहले साल में मंडी जिला के लिए 2 करोड़ का बजट दिया गया है। जिले में अब तक 361 लाभार्थियों को लगभग 1.12 करोड़ रुपये आबंटित किए जा चुके हैं। शगुन योजना से हमारी चिंताएं हुई खत्म:अभिभावक शगुन योजना की लाभार्थी पधर की चैहड़ गलू पंचायत के समखेतर गांव की दिशा कुमारी की शादी जुलाई 2021 में कोटरोपी में हुई है। उनके पिता ड्राइवरी करते हैं। दिशा की मां देवकी देवी का कहना है कि गरीबों की बेटियों को शादी पर 31 हजार का शगुन देकर मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर बड़े पुण्य का काम कर रहे हैं। बकौल देवकी ‘हम बड़े गरीब परिवार के हैं, बेटी की शादी के लिए पाई-पाई करके पैसे जोड़े थे, पर मन में चिंता थी कि गरीब मां बाप बेटी को शगुन में क्या दे पाते। सरकार ने 31 हजार का शगुन देकर हमारी वो चिंता हर ली।‘ शगुन योजना की एक और लाभार्थी पधर की डलाह पंचायत के रोहाना गांव की नैना देवी कहती हैं कि शगुन योजना में मिले 31 हजार से उनके परिवार को बड़ी मदद हुई है। साल 2021 के अप्रैल में उनकी शादी गडू्हीं गांव में हुई है। पति नालागढ़ में प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। नैना के पिता रमेश कुमार मिस्त्री का काम करते हैं। घर में माता-पिता,नैना और उनकी एक बहन और एक भाई हैं। रमेश कुमार बताते हैं कि रोहाना की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना देवी ने उन्हें शगुन योजना के बारे में बताया। बेटी की शादी के तुरंत बाद सीडीपीओ कार्यालय में आवेदन किया था और अब उनके खाते में 31 हजार रुपये आ गए हैं। पधर के ही शिंगार गांव की अंकिता की शादी जुलाई, 2021 में हुई है। उनके पिता दिहाड़ी-मजदूरी करते हैं। अंकिता की मां जैवंती देवी बताती हैं बेटी की शादी के बाद उन्होंने शगुन योजना में मदद के लिए अप्लाई किया। इसमें 31 हजार सीधे बैंक खाते में आए। इसे उन्हें बड़ा सहारा मिला है। ये शगुन बेटी के भविष्य के लिए काम आएगा। ऐसे करें आवेदन हिमाचल सरकार ने पहली अप्रैल, 2021 सेे शगुन योजना शुरू की है। इसमें प्रदेश के गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह पर 31 हजार रुपये का शगुन सरकार की ओर से प्रदान किया जाता है। शगुन की यह राशि बेटी की हिमाचल से बाहर शादी करने पर भी दी जाती है। योजना का लाभ लेने को शादी से दोे महीने पहले से लेकर शादी के बाद 6 महीने के भीतर आवेदन किया जा सकता है। धनराशि सीधे आवेदक के बैंक खाते में डाली जाती है। योजना के लाभ के लिए लड़की की उम्र 18 साल या इससे अधिक एवं वर की 21 साल या इससे ज्यादा होनी चाहिए। योजना का लाभ लेने को नजदीकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बाल विकास परियोजना कार्यालय अथवा जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन किया जा सकता है। क्या कहते हैं जिलाधीश जिलाधीश मंडी अरिंदम चौधरी ने कहा कि हिमाचल सरकार की शगुन योजना जिले में गरीब परिवारों की बेटियों के लिए बड़ी मददगार बनी है। हमारा प्रयास है कि योजना का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग जिले में पूरे समर्पण से काम कर रहा है।
जोगिंदर नगर : हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक चौंतडा़ द्वारा किया गया वित्तीय साक्षरता कैंप का आयोजन
उपमंडल जोगिंद्रनगर के हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक चौंतडा़ द्वारा शुक्रवार को वित्तीय साक्षरता कैंप का आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए शाखा प्रबंधक राम लाल मंडयाल ने बताया कि कैंप में 45 महिला, पुरुषों ने भाग लिया। जिसमें उन्हें बैंक संबधी जानकारी प्रदान की गई। बैंक के एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, मोबाइल ऐप, डिजिटल बैंकिंग के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इसके अलावा अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना इत्यादि के बारे में लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इसी तरह से बैंक की ऋण संबंधी, किसान क्रेडिट कार्ड, होम लोन, वाहन ऋण, वेतन के तहत सैलरी लोन इत्यादि अनेक ऋण योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया। शाखा प्रबंधक रामलाल मंडयाल ने लोगों को अवगत कराते हुए कहा कि किसी के साथ भी अपनी आधार व पैन कार्ड संबधी जानकारी साझा ना करें। क्योंकि आए दिन देखा जा रहा है कि मोबाइल कॉल के जरिए लोगों के साथ धोखाखड़ी की जा रही है। इसके लिए सभी लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।
शनिवार को राजीव गाँधी स्मारक महाविद्यालय जोगिंदर नगर में रोवर रेन्जर इकाई द्वारा ड्रग चेतना विषय पर चित्र कला और नारालेखन गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय की प्राचार्या सुनीता सिंह मौजूद रही। इस गतिविधि में सिया, शिवानी, सलोनी, अनु, एशिका, शबनम, अभीशेक, शिवानी,प्रियंका ठाकुर, दीक्षा, सुधा और अनु ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में रोवर लीडर डा.विशाल, रेन्जर लीडर पूनम, डा.चेतना और डा. पवन कुमार उपस्थित रहे।
मंडी, 26 नवम्बर उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने संविधान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान की उद्देशिका को सर्वोपरि रख कर उसकी भावना के अनुरूप काम करने की शपथ दिलाई। उपायुक्त ने सभी को संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत की ताकत अपने महान संविधान में निहित है। इसी के बूते भारत आज प्रभुतासंपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य के तौर पर दुनिया का सबसे बड़ा व सशक्त प्रजातंत्र बना है, जो मजबूती से एकता के सूत्र में बंधा है। भारत का संविधान, भारत का सर्वोच्च विधान है। 26 नवम्बर 1949 को भारतीय संविधान सभा द्वारा इस संविधान को अपनाया गया और 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया था। संविधान दिवस मनाने की शुरुआत 2015 से हुई क्योंकि ये वर्ष संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के जन्म के 125वें साल के रूप में मनाया गया था। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी राजीव सांख्यान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला मंड़ी के उपमंडल करसोग में दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस थाना करसोग में एक महिला ने स्थानीय युवक के खिलाफ दुराचार का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक महिला ने स्थानीय युवक लोभ सिंह के खिलाफ जबरन घर में घुसकर दुराचार करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि युवक पिछले करीब सात से आठ वर्षो से उसे परेशान कर रहा था व शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था। पीड़िता का कहना है की सोमवार को दोपहर बाद करीब एक बजे युवक उसके घर पर आ धमका व मारपीट कर जबरन दुराचार किया। दुष्कर्म करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया है। पीड़िता ने इस बारे में पति को फोन पर बताया और साथ ही पुलिस थाना करसोग आकर प्राथमिकी दर्ज करवाई। महिला की शिकायत पर युवक के खिलाफ आइपीसी की धारा 376, 452 व 506 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाही हुए आरोपित की धरपकड़ के लिये टीम बना दी गई है।
दयानंद भारतीय पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल की मैत्री ने सीनियर सैकेंडरी सांइस एक्टिविटी में प्रथम स्थान हासिल कर, 5 से 7 दिसम्बर तक होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपना स्थान बनाया है। स्कूल चेयरमैन ओम मरवाह, स्कूल प्रधानाचार्य ओम प्रकाश ठाकुर ने विज्ञान अध्यापकों और अभिभावकों को बधाई दी तथा साथ में मैत्री के उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रदेश के 10 जि़लों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जन मंच आयोजित किए गए। जन मंच में लगभग 1056 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। प्रशासन द्वारा जन मंच के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन किया गया। जिला मण्डी: जल शक्ति, बागवानी, राजस्व एवं सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह टिहरा के प्रांगण में आयोजित जन मंच में क्षेत्र की 12 पंचायतों के लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया। जनमंच में विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 44 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निपटारा कर दिया गया है तथा शेष का समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। जल शक्ति मंत्री ने बेटी है अनमोल योजना के तहत सांकेतिक तौर पर 5 बच्चियों की माताओं को 12-12 हज़ार की एफडीआर भेंट कीं। साथ ही मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत कुल 70 लाभार्थियों को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए। जन मंच में 74 से अधिक विभिन्न प्रमाण-पत्र बनाए गए। उन्होंने कहा कि जनमंच ने गरीबों-वंचितों को ताकत दी है। वे पूरी मजबूती से अपनी बात शासन-प्रशासन के पास रख रहे हैं और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान हो रहा है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर की जनहितैषी सोच से निकला जन मंच आज लोगों के लिए बड़ा संबल बन गया है। विकास कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 30 पुलों का कार्य प्रगति पर है। टिहरा में 25 करोड़ से 50 बिस्तरों के अस्पताल तथा संधोल और धर्मपुर में सिविल अस्पताल का काम ज़ोरों पर है। टिहरा और संधोल में मिनी सचिवालय भवनों का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति निर्बाध रखने के लिए 33 केवी के 12 ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। अब 50 करोड़ रुपये से 132 केवी का ट्रांसफार्मर स्थापित करने का काम किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं जि़ला परिषद सदस्य वंदना गुलेरिया, अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे। जिला हमीरपुर: शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने जिला हमीरपुर के विधानसभा क्षेत्र बड़सर की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झिरालड़ी में आयोजित जन मंच की अध्यक्षता की। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र की 5 ग्राम पंचायतों और नगर पंचायत की ओर से कुल 135 शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शहरी विकास मंत्री ने अधिकारियों को शेष समस्याओं का भी निर्धारित समय अवधि के भीतर निवारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सुरेश भारद्वाज ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान उनके घर-द्वार पर ही करने के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जन मंच आरम्भ किया है। यहां प्राप्त अधिकांश जनसमस्याओं का निवारण प्री-जनमंचों में ही कर दिया जाता है, जिससे आम लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलती है। इससे पहले शहरी विकास मंत्री ने एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत झिरालड़ी स्कूल परिसर में पौधारोपण किया तथा विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टाॅलों का अवलोकन किया। जन मंच के दौरान शहरी विकास मंत्री ने मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 16 महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन प्रदान किए। उन्होंने विभाग के माध्यम से प्रशिक्षित 31 महिलाओं को सिलाई मशीन एवं टूल किट वितरित किए। बेटी है अनमोल योजना के तहत 3 कन्याओं को 12-12 हजार रुपये की एफडी के दस्तावेज और शगुन योजना की 7 लाभार्थियों को 31-31 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष बलदेव शर्मा, हिमाचल प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष राकेश शर्मा बबली, कांगड़ा सहकारी कृषि एवं भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष कमलनयन शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष नरेश कुमार, उपायुक्त देबश्वेता बनिक, पुलिस अधीक्षक आकृति शर्मा व एडीएम जितेंद्र सांजटा सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे। जिला चम्बा: जि़ला चम्बा का 24वां जन मंच भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत सुदली पंचायत घर में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने की। जनमंच में कुल 92 समस्याएं एवं मांगे प्रस्तुत की गई, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जन मंच सरकार द्वारा शुरू किया गया ऐसा कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान घर द्वार पर संभव होता है। उन्होंने कहा कि जिला चंबा की भौगोलिक परिस्थितियां प्रदेश के अन्य जिलों की तुलना में विषम हैं। इसके बावजूद प्रदेश सरकार के वर्तमान कार्यकाल में यहां सड़क निर्माण, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। इस अवसर पर 10 लाभार्थियों को मौके पर दिव्यांग प्रमाण पत्र, 6 जन्म प्रमाण पत्र और 22 राजस्व इंतकाल दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त 74 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और निशुल्क दवाईयां दी गई और 7 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई। 12 पात्र लाभार्थियों को गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन तथा बेटी है अनमोल योजना के तहत 13 एफडीआर भी वितरित की गई। मंत्री ने इस दौरान एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत बेटी अदविका के नाम से आंवला का पौधा भी रोपित किया। मुख्य सचेतक विक्रम सिंह जरयाल ने विधानसभा क्षेत्र भटियात में जारी विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस मौके पर उपायुक्त डीसी राणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस. अरुल कुमार, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे। जिला शिमला: ग्रामीण विकास, कृषि, एवं पंचायती राज मंत्री वीरेन्द्र कंवर ने जिला शिमला के रोहडू़ स्थित राजकीय महाविद्यालय सीमा के प्रांगण में आयोजित जन मंच की अध्यक्षता की। जन मंच में कुल प्राप्त 111 शिकायतों में से अधिकांश शिकायतों का मौके पर निवारण किया गया। शेष शिकायतों का निवारण निर्धारित अवधि में करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन मंच की सफलता के लिए अधिकारी गंभीरता से कार्य करें। लोगों की शिकायतों के निवारण के लिए किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि जन मंच के माध्यम से समाज की अंतिम पंक्ति तक के व्यक्ति की समस्या का निवारण सुनिश्चित हो सके। केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे इसके लिए अधिकारी सजगता से काम करें। जनमंच के दौरान 13 विभिन्न प्रमाण पत्र, 5 इंतकाल तथा 6 जमाबंदियां जारी की गई। मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 5 लाभार्थियों को निःशुल्क गैस कनेक्शन, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 5 बालिकाओं को किट, शगुन योजना के तहत बीपीएल परिवार से संबंध रखने वाली बेटी की शादी के लिए 31 हजार रुपये तथा बेटी है अनमोल योजना के तहत 5 पात्र बालिकाओं को 12 हजार रुपये की एफडी प्रदान की गई। उन्होंने एक बूटा बेटी के नाम योजना के तहत देवदार का पौधा रोपित किया तथा जन कल्याणकारी योजनाओं को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर अध्यक्ष, कृषि ग्रामीण विकास बैंक शशी बाला, जिला परिषद सदस्य उर्मिला डोगरा, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, अतिरिक्त उपायुक्त किरण भड़ाना, उपमण्डलाधिकारी सुरेन्द्र ठाकुर तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। जिला ऊना: ऊना जिला के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के मुबारिकपुर में उद्योग, परिवहन एवं श्रम व रोजगार मंत्री बिक्रम सिंह की अध्यक्षता में जन मंच आयोजित किया गया। जन मंच में कुल 72 जन समस्याओं की सुनवाई हुई और अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। मंत्री ने कहा कि जन मंच जय राम सरकार की महत्वकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य गांव में जाकर मौके पर लोगों की जन शिकायतों का निपटारा करना है। प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए अन्य कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। कामगार कल्याण बोर्ड से पंजीकृत कामगारों व उनके परिवार के कल्याण के लिए कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला ऊना में पंजीकृत 23,839 कामगारों को विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत 20.72 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। कोरोना संकट के दौरान भी जिला के 8270 पात्र कामगारों को लगभग पांच करोड़ की सहायता प्रदान की गई है। इस अवसर पर बिक्रम सिंह ने मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत 11 परिवारों को निशुल्क गैस कनेक्शन भी प्रदान किए। जनमंच कार्यक्रम के दौरान वैक्सीनेशन कैंप भी स्थापित किया गया था, जिसमें 45 लाभार्थियों ने कोविड वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग ने 152 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की और 126 मेडिकल टेस्ट किए। आयुष विभाग ने 132 लोगों का स्वास्थ्य जांचा। इसके अतिरिक्त ई-श्रम पोर्टल पर 15 कामगारों का पंजीकरण किया गया। इससे पूर्व गगरेट के विधायक राजेश ठाकुर ने कहा कि इस क्षेत्र में पहली बार जन मंच का आयोजन किया जा रहा है तथा सरकार द्वारा घर-द्वार पर जाकर लोगों की शिकायतों का निपटारा किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सतपाल सिंह, उपायुक्त राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन, एडीसी डाॅ. अमित कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे। जिला कुल्लू: कुल्लू जिले का 24वां जन मंच मनाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय महाविद्यालय हरिपुर में आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने की। जनमंच में कुल 13 ग्राम पंचायतों के लोगों की समस्याओं की सुनवाई की गई। इस अवसर पर 117 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुई, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निपटारा किया गया जबकि शेष शिकायतें संबंधित विभागों को तुरंत समाधान हेतु अग्रेषित की गई। आयुर्वेद विभाग द्वारा 201 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और निःशुल्क दवाईयां भी वितरित की। जन मंच में 209 इंतकाल, 62 विभिन्न प्रमाण पत्र, 20 ग्रीन कार्ड जारी किए गए और 12 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी प्रदान की गई। मंत्री ने काॅलेज परिसर में देवदार पौधे का रोपण भी किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि मनाली विधानसभा को प्रदेश के आदर्श विधानसभा क्षेत्र के तौर पर विकसित किया गया है। यहां 98 प्रतिशत सड़क कनेक्टिविटी है। क्षेत्र में पिछले चार सालों के दौरान अनेक नई सड़कों का निर्माण किया गया। मनाली शहर तथा आस पास के अनेक गांवों के लिये 390 करोड़ की मल निकासी परियोजना तैयार करके धनराशि स्वीकृत की गई है और इस परियोजना का कार्य शीघ्र ही आरंभ कर दिया जाएगा। इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने ‘बेटी है अनमोल’ योजना के तहत सात बेटियों को प्रत्येक को 12 हजार रूपये की एफडी, मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत तीन बेटियों के अभिभावकों को 31000 रुपये प्रत्येक तथा मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत तीन बेटियों को प्रत्येक को 51000 रुपये के चेक वितरित किये। इसके अतिरिक्त जिला की 10वीं तथा 12वीं कक्षा की मेधावी छात्राओं को सशक्त महिला योजना के तहत प्रत्येक को पांच हजार रुपये की राशि व प्रशस्ति पत्र वितरित किये। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, भाजपा मण्डलाध्यक्ष दुर्गा सिंह ठाकुर, नगर परिषद मनाली के अध्यक्ष चमन कपूर, पंचायत समिति अध्यक्ष कुंदन ठाकुर, उपायुक्त आशुतोष गर्ग, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह सहित अन्य गणमान्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे। जिला सोलन: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने सोलन जिला के कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणू में आयोजित जन मंच की अध्यक्षता की। आज आयोजित जन मंच में 148 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर किया गया। शेष शिकायतों तथा मांगों को अग्रिम कार्यवाही के लिए उचित स्तर पर प्रेषित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतान्त्रिक व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन की सेवा करना है तथा आमजन की सेवा के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए त्वरित प्रयास करने चाहिए। डाॅ. सैजल ने कहा कि जन मंच का यही उद्देश्य है कि लोगों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त हो तथा उनके समय व धन की बचत हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना पूरे देश में एक आदर्श योजना के रूप में सराही गई है। जन मंच में 76 लोगों का आधार के लिए नामांकन किया गया। निःशुल्क जांच शिविर में 215 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। 28 व्यक्तियों के नेत्र जांच तथा 45 व्यक्तियों की दन्त चिकित्सा की गई। इसके अतिरिक्त 43 व्यक्तियों को कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण किया गया। आयुष विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 275 लोगों का स्वास्थ्य जांचा गया और रक्तदान शिविर में 11 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क जांच शिविर में दूध के 38 नमूने एकत्र किए गए। जनमंच में भारतीय संचार निगम लिमिटिड द्वारा 110 सिम कार्ड वितरित किए गए तथा 20 ई-श्रम कार्ड भी बनाए गए। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. डेजी ठाकुर, जिला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, नगर परिषद परवाणू की अध्यक्ष निशा शर्मा, उपायुक्त कृतिका कुलहरी, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। जिला सिरमौर: ऊर्जा मंत्री सुखराम चैधरी ने जिला सिरमौर के विकास खण्ड संगड़ाह की ग्राम पंचायत जामू कोटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में आयोजित जन मंच की अध्यक्षता की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों से संबंधित 126 शिकायतें एवं मांगें प्रस्तुत की गई, जिनमें से अधिकांश का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया तथा शेष शिकायतों को समयबद्ध निपटान के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। सुख राम चैधरी ने कहा कि रेणुका बांध विस्थापितों के सभी 1142 परिवारों की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और विस्थापित परिवारों को आवंटित की गई भूमि से सम्बन्धित सभी समस्याओं को मौके पर जाकर अधिकारियों द्वारा निपटाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा चलाई गई जल जीवन मिशन के अंतर्गत सिरमौर में 83 प्रतिशत घरों को पेयजल उपलब्ध करवाया गया है और मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत जिला सिरमौर में लगभग 36483 रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए, जबकि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10944 गैस कनेक्शन वितरित किए गए। इससे पूर्व ऊर्जा मंत्री ने पाठशाला परिसर में पंचवटी वाटिका में कनक चम्पा, अर्जुन, आंवला व अमरूद के वृक्ष रोपित किए। ‘बेटी है अनमोल’ कार्यक्रम के तहत सात कन्याओं को 12-12 हजार रूपये की बैंक एफडी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत 6 नवजात कन्याओं को जिला प्रशासन की ओर से बधाई पत्र व उपहार प्रदान किए गए। राजस्व विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के 138 से अधिक प्रमाण पत्र, आयुर्वेद विभाग द्वारा 112 रोगियों की स्वास्थ्य जांच व 60 की रक्त जांच की गई और स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविर में 50 से अधिक लोगों की जांच कर निःशुल्क दवाईयां वितरित की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष जिला परिषद सिरमौर सीमा कन्याल, पूर्व विधायक रूप सिंह, अध्यक्ष खण्ड विकास समिति संगड़ाह मेला राम शर्मा, अध्यक्ष खण्ड विकास समिति नाहन अनिता शर्मा, पूर्व उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास निगम बलवीर चैहान, अध्यक्ष मण्डी समिति रामेश्वर शर्मा, भाजपा मण्डलाध्यक्ष सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष पंचायत समिती संगड़ाह मदन सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त सोनाक्षी सिंह तोमर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे। जिला कांगड़ा: वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने रविवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च पाठशाला, लोअर खैरा मेें आयोजित 24वें जन मंच की अध्यक्षता की। जनमंच में शामिल 10 ग्राम पंचायतों से विभिन्न विभागों से जुड़ी 97 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुई, जिनमें से अधिकांश का मौके पर निपटारा कर दिया गया। इस अवसर वन मंत्री ने कहा कि ‘जन मंच’ प्रदेश की जनता के लिए सरकार के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का एक महत्वकांक्षी कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि जन मंच और ‘‘मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाईन’’ अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान के चलते काफी लोकप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन मंच में आने वाली समस्याओं पर स्वयं नजर रखते हैं और इनके समाधान में हुई प्रगति की लगातार समीक्षा करते हैं। वन मंत्री ने कहा कि कोविड काल में प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में सराहनीय कार्य किया है। यह गौरव की बात की प्रदेश ने कोविड वैक्सीनेशन की पहली डोज़ लगाने में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करके देश में पहला स्थान हासिल किया है और प्रदेश में 80 प्रतिशत से अधिक लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज भी लग चुकी है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया जिसमें करीब 110 लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। इसके अलावा 7 लोगों के कोविड रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाये गये, जिसमें सभी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई। कार्यक्रम के दौरान लगे शिविर में कोविड टीकाकरण कैम्प में 18 लोगों ने वैक्सीनेशन भी करवाया। वन मंत्री ने ‘‘एक बूटा बेटी के नाम’’ के तहत लोंगिणी (छैंछड़ी) की बेटी इबाना के परिजनों को 5 औषधीय पौधे भेंट किये। उन्होंने छः पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री गृहिणी सुविधा योजना के तहत निःशुल्क गैस चूल्हे और बेटी है अनमोल योजना के तहत दो लाभार्थी बच्चियों के परिजनों को 12-12 हजार रुपये तथा रेडक्राॅस सोसायटी की तरफ से 8 दिव्यांगजनो को व्हील चेयर और अन्य यन्त्र वितरित किये। इससे पहले स्थानीय विधायक रविन्द्र धीमान ने अपने सम्बोधन में कहा कि लोगों की समस्याओं के घर-द्वार त्वरित एवं स्थाई समाधान में जन मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 143 करोड़ रुपये और जल शक्ति विभाग के माध्यम से 223 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा डाॅ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा, एडीसी राहुल कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। जिला बिलासपुर: जनमंच के माध्यम से लोगों को अपनी बात सरकार व प्रशासन के समक्ष रखने का सुनहरा अवसर है। यह जानकारी आज झण्डूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कोसरियां में 24वें जन मंच की अध्यक्षता करते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने दी। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के और समीप लाने तथा प्रदेश के नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से जन मंच की शुरुआत की गई है। प्रदेश के लोगों की समस्याएं सुलझाने में यह बेहद सफल साबित हो रहा है। आज जनमंच में 114 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया तथा शेष शिकायतों को सम्बन्धित विभागों को कार्यवाही के लिए भेज दिया गया है। जन मंच में राजस्व और पंचायती राज विभाग से सम्बन्धित 70 प्रमाण पत्र बनाए गए। आयुष विभाग द्वारा 214 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा 75 लोगों के खून की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 144 लोगों की स्वास्थ्य की जांच की गई। राजस्व विभाग से सम्बन्धित 45 इंतकाल और 16 वसीयत बनाई गई। इससे पूर्व उन्होंने ‘एक बूटा बेटी के नाम’ योजना के अंतर्गत आंवला का पौधा रोपित किया। बेटी है अनमोल योजना के तहत 5 लाभार्थियों को एफडी और 5 दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर झण्डूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जे.आर. कटवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि 60 करोड़ रुपये की लागत से कुटवागड़ पेयजल योजना का कार्य प्रगति पर है, जिसे अगले वर्ष तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त 240 करोड़ रुपये सड़कों और सिंचाई एवं पेयजल योजनाओं पर खर्च किए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्षा मुस्कान, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य राकेश गौतम, पुलिस अधीक्षक एस.आर. राणा, सहायक आयुक्त सिद्धार्थ आचार्य, एसडीएम झण्डूता नरेश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और अधिकारी एवं कर्मचारी तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने कमरतोड़ महंगाई के खिलाफ जोगिंदर नगर में अपने अभियान को आगे बढ़ाते हुए, चौंतड़ा में पार्टी के राज्य सचिवालय सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में माकपा की जोगिंदर नगर लोकल कमेटी के सचिव एवं टिकरी मुशैहरा पंचायत के प्रधान रविंदर कुमार, किसान सभा चौंतड़ा जोन की उपाध्यक्ष एवं पसल संगनेहड़ की बीडीसी सदस्य नीलम वर्मा, वरिष्ठ माकपा नेता पूर्ण चंद, भगत राम वर्मा, माकपा के लोकल कमेटी सदस्य सुदर्शन वालिया, महेंद्र सिंह, अनिल कुमार, राम सिंह, वीना देवी, माकपा नेत्री व वार्ड पंच संतोष कुमारी, निशु देवी, वीना देवी, सुनीता देवी, दुलो राम, भगत राम, सकीना देवी, राकेश कुमार, मोहन लाल सहित सैंकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। सुकाबाग मेला मैदान से चौंतड़ा बाज़ार तक महंगाई के खिलाफ तथा चौंतड़ा पीएचसी में डॉक्टरों के रिक्त पद भरने की मांग पर विशाल जलूस निकाला गया। जिसमें सैंकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। कुशाल भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार आम जनविरोधी नीतियों को लागू कर रही है। पूँजीपतियों एवं कॉर्पोरेट घरानों को लाभ देने वाली नीतियों के कारण हमारी अर्थव्यवस्था गहरी मंदी में है। पूँजीपतियों के कर्जे माफ किए जा रहे हैं, उन्हें टैक्स में छूट दी जा रही है और भारी भरकम सब्सिडी दी जा रही हैं, जबकि आम जनता की सबसिडियां छीन कर और उन पर टैक्स थोंप कर बोझ डाला जा रहा है। महंगाई व बेरोजगारी के कारण देश में भूखमरी तेजी से बढ़ रही है। महंगाई और महामारी के दौर में भी सरकार जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों को संरक्षण दे रही है।
जोगिन्दर नगर में आगामी 23 नवम्बर को वाहनों की पासिंग होगी जबकि 24 नवम्बर को ड्राईविंग टेस्ट लिया जाएगा। ड्राईविंग टेस्ट के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक करवाना अनिवार्य होगा। इस बारे जानकारी देते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि ड्राईविंग टेस्ट में भाग लेने वालों को ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग करवानी होगी। ऑनलाइन स्लॉट प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थियों को वैबसाइट http://www.parivahan.gov.in/parivahan पर जाना होगा। ड्राईविंग टेस्ट में भाग लेने वाले इच्छुक अभ्यर्थी 22 नवम्बर को प्रात: 10 बजे से ऑनलाइन स्लॉट बुक करवा सकते हैं। एसडीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव को वाहनों की पासिंग व ड्राईविंग टैस्ट में भाग लेने वाले सभी लोगों को फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। साथ ही पर्याप्त सामाजिक दूरी की अनुपालना भी सुनिश्चित बनानी होगी।
बाल विकास परियोजना चौंतड़ा के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के रिक्त पड़े कुल पांच पदों को भरा जाना हैं। जिनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक तथा सहायिका के चार पद शामिल हैं। इन पदों के लिए पात्र व इच्छुक उम्मीदवार सांय 9 दिसम्बर सायं 5 बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ)चौंतड़ा के कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं, जबकि साक्षात्कार 10 दिसम्बर को प्रात: 10 बजे से एसडीएम कार्यालय जोगिन्दर नगर में लिया जाएगा। यदि किसी कारणवश कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि व समय तक आवेदन पत्र जमा नहीं करवा पाता है, तो ऐसे पात्र उम्मीदवार आवश्यक दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार वाले दिन भी अपना आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। इस बारे जानकारी देते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी बालम राम वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत बाग के आंगनबाड़ी केंद्र तन्साल में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का एक पद भरा जाना है जबकि ग्राम पंचायत गलू के आंगनबाड़ी केन्द्र गलू, ग्राम पंचायत भडयाड़ा के आंगनबाड़ी केंद्र लकरेहड, ग्राम पंचायत खद्दर के आंगनबाड़ी केंद्र झुलगण तथा ग्राम पंचायत दलेड के आंगनबाड़ी केंद्र चेलचतरा में आंगनबाड़ी सहायिका के एक-एक पद को भरा जाना है। चयनित होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका को सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित दर पर प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। उन्होने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका के पदों हेतु केवल ऐसी महिला उम्मीदवार ही पात्र होंगी जिनकी आयु 21 से 45 वर्ष के मध्य होगी। इसके अलावा प्रार्थी का नाम संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के परिवारों की सूची में शामिल हो तथा प्रार्थी के परिवार की वार्षिक आय 35 हजार रूपये से अधिक न हो एवं इस बारे कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा आय प्रमाणपत्र जारी किया हो। इसके अतिरिक्त आवेदक का नाम पंचायत रजिस्टर में एक जनवरी, 2021 से पहले पंजीकृत होना चाहिए। सीडीपीओ ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास जबकि सहायिका के लिए आठवीं पास होना अनिवार्य है।
सुशील कुमार पुत्र खूबचंद को ड्रीम पब्लिशर्ज (बुक पब्लिशिंग हाउस) द्वारा वर्ष 2021 के सर्वश्रेष्ठ सह -लेखक के तौर पर फिलिंग द आर्ट ऑफ रिलीजड डिजायर नामक पुस्तक के लिए सम्मानित किया गया। यह पुस्तक पूरे भारत से चुने गए लगभग 38 सर्वश्रेष्ठ लेखकों की कविताओं का संकलन है। इस पुस्तक को सोशल मीडिया पर भी प्रकाशित किया गया है। आगामी समय में सुशील कुमार की अन्य पुस्तक संकलन व पुस्तकें भी प्रकाशित होने वाली हैं। साथ ही साथ सुनील कुमार बहुत जल्दी एक कविता से संबंधित कार्यक्रम का विमोचन सोशल मीडिया के माध्यम से करने वाले हैं। सुशील कुमार लेखन के साथ साथ अभिनय व फिल्म निर्देशन का भी कार्य करते हैं तथा रुद्रा प्रोडक्शन संस्था के अध्यक्ष निर्देशक हैं। रुद्रा प्रोडक्शन संस्था कला एवं कलाकारों के उत्थान संकरण, पर्यावरण व सामाजिक कार्य के क्षेत्र में कार्य करती है।
वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की बैठक वन वृत्त के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर की अध्यक्षता में मुख्य अरण्यपाल वन वृत्त मंडी एस के मुसाफिर के साथ हुई। जिसमें वन वृत्त के कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से उठाया गया l अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि वन वृत्त की मुख्य मांगों में कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली, नियुक्ति की तिथि से वरिष्ठता, 2016 में नियुक्त हुए वन रक्षकों की सीनियरिटी, कर्मचारियों का यात्रा भत्ता, कर्मचारियों के स्थानांतरण नीति, बन बीट में बन कर्मियों की नियुक्ति, 4-9-14 का लाभ, वन रक्षकों के पदनाम को बदल कर बीट ऑफिसर रखने बारे इत्यादि मांगों को प्रमुखता से उठाया गया l एस के मुसाफिर ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए मांगों का निपटारा करने का आश्वासन दिया तथा यह भी कहा कि सभी वन मंडल अधिकारियों को भी इस बारे में दिशा निर्देश जारी कर दिए जाएंगे l इस मौके पर वन मंडल अधिकारी मंडी बासु डोगर, वन मंडल अधिकारी नाचन टीआर धीमान, वन मंडल अधिकारी मुख्यालय मुंशीराम इत्यादि अधिकारी उपस्थित रहे।
विकास खंड करसोग के तहत पढ़ने वाली खड़कन पंचायत के भागचंद पुत्र चैत्री देवी गांव द्रष्टि डा० भंथल ने एसडीम करसोग सनी शर्मा को एक शिकायत पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने लिखा है कि दिनांक 3 -9 - 2021 को उन्होंने अपनी भूमि का विकास कार्य मनरेगा के तहत करवाया था तथा इस भूमि सुधार कार्य में उनके सहित और भी लोगों ने कार्य किया था जिसका कि इतना समय बीत जाने के बाद भी अभी तक पैसों की अदायगी नहीं की गई है उनका कहना है कि दिवाली के समय में है उनके द्वारा या पैसे मांगे गए थे लेकिन पैसे ना मिलने के कारण इनकी दिवाली भी फीकी ही रही तथा इसके बारे में है उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1100 नंबर पर भी कॉल की थी जहां से भी कोई उचित जवाब नहीं मिल पाया इसी के चलते इन्होंने सोमवार को एसडीम करसोग सनी शर्मा को शिकायत पत्र सौंपा जिसमें लिखा है कि जल्द से जल्द इनके मनरेगा की दिहाड़ी के पैसों की अदायगी की जाए ताकि मजदूर लोगों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े साथ ही उन्होंने लिखा है कि खड़कन पंचायत मैं अलग-अलग कामों की पहले भी लगभग 190 लोगों की पेमेंट नहीं दी गई है जिसके चलते वह भी परेशान हैं। उन्होंने आशा की है कि जल्द से जल्द इनकी पेमेंट की जाएगी ताकि ग्रामीणों को परेशानियों का सामना ना करना पड़े।
हालही में संपन्न हुए मंडी संसदीय सीट पर लोकसभा के उपचुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी की छवि को खराब करने की जो कोशिश की गई है, उसकी जांच होनी चाहिए। यह बात प्रेस को जारी बयान में कांग्रेस प्रदेश महासचिव आश्रय शर्मा ने कही। उन्होंने कहा क़ि शिमला ग्रामीण से कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह की जांच की मांग का वे भी समर्थन करते है। उन्होंने कहा क़ि मतदान से ठीक पहले तथाकथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल करके, कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह और कांग्रेस पार्टी सहित पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की छवि को खराब करने का जो षडयंत्र रचा गया है। उसकी जांच होनी चाहिए। यह ऑडियो किसने वायरल किया और उसे वायरल करने के पीछे क्या मंशा थी इस बात का पर्दाफाश होना चाहिए। आश्रय शर्मा ने राज्य सरकार इस प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच एजैंसियों से जाँच करवाने की मांग की ।
मंडी संसदीय क्षेत्र का उपचुनाव बेशक कांग्रेस जीत गई हो लेकिन जिला मंडी में पार्टी के दिन फिरते नहीं दिख रहे। संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाली जिला की नौ सीटों में से आठ पर कांग्रेस पिछड़ी है। जिला में सिर्फ नाचन में कांग्रेस को बढ़त मिली, बाकी सब जगह भाजपा आगे रही। उपचुनाव में पार्टी के बड़े नेताओं का बड़ा अहम और सुनहरे अतीत पर टिका उनका वहम दोनों जनता ने दूर कर दिए। 2022 से पहले ये स्थिति कांग्रेस के लिए अच्छी नहीं है। तब प्रदेश की सल्तनत और कांग्रेस के बीच एक बड़ी चुनौती जिला मंडी की रणभूमि होगी और संसदीय उपचुनाव में यहाँ फिर कांग्रेस ने मुँह की खाई है। इससे पहले जिला परिषद् और नगर निगम चुनाव में भी कांग्रेस की खूब किरकिरी हुई है। बहरहाल प्रतिभा सिंह की जीत से मंडी कांग्रेस में ऊर्जा का संचार जरूर हुआ है। परन्तु क्या सिर्फ उम्मीद से कांग्रेस सत्तासीन हो पाएगी ? क्या प्रतिभा की जीत सच में कांग्रेस की जीत है ? सवाल ये भी है कि जितने वोट प्रतिभा सिंह को मिले क्या वहां कांग्रेस के किसी अन्य प्रत्याशी को मिल पाते ? इन सवालों का जवाब मंडी कांग्रेस के बड़े नेताओं को खोजना होगा और जिला में पार्टी की धरातल स्थिति पर आत्ममंथन भी करना होगा। मंडी लोकसभा का उपचुनाव भले ही कांग्रेस जीत गई हो पर कहीं न कहीं इस जीत को कांग्रेस की जीत से ज्यादा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के लिए सहानुभूति की जीत बताया जा रहा है, इसे वीरभद्र सिंह परिवार की जीत बताया जा रहा है। गौर करने लायक बात ये है कि जिला मंडी में कांग्रेस को पराजय मिली है और इस बात को कांग्रेस को जहन में रखकर आगे बढ़ने की जरुरत है। हवाई दावे जो भी हो किन्तु तथ्य ये ही है कि मंडी संसदीय क्षेत्र में जिला मंडी की नौ सीटें आती है जिनमें से आठ पर कांग्रेस पिछड़ी है। यानी मंडी जिला में कांग्रेस की स्थिति कमजोर है। आंकड़ों पर गौर करें तो कांग्रेस के कई दिग्गजों के गढ़ में भी प्रतिभा सिंह को लीड नहीं मिल पाई है। इन दिग्गजों में सबसे पहले नाम आता है पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर का। ये उन नेताओं में से है जिन्हें कांग्रेस की सत्ता वापसी की स्थिति में मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जाता है। उपचुनाव के दौरान ठाकुर कौल सिंह पूरी निष्ठा के साथ प्रतिभा के प्रचार प्रसार में जुटे दिखे परन्तु फिर भी उनके अपने ही निर्वाचन क्षेत्र द्रंग में प्रतिभा सिंह पिछड़ गई। द्रंग में भाजपा प्रत्याशी को 2612 अधिक मत प्राप्त हुए है। ऐसा ही कुछ हाल पूर्व मंत्री एवं मंडी जिला कांग्रेस के अध्यक्ष प्रकाश चौधरी के गृह क्षेत्र में भी रहा। उनके क्षेत्र बल्ह में भी भाजपा को 956 अधिक मत प्राप्त हुए। यहां सवाल आश्रय शर्मा पर भी खड़े होते है। आश्रय लगातार कांग्रेस से टिकट मांग रहे थे परन्तु टिकट न मिलने पर उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के लिए प्रचार प्रसार भी किया। इसके बावजूद भी मंडी सदर से भाजपा को बढ़त मिली जबकि उनके पिता अनिल शर्मा ने न तो भाजपा के लिए प्रचार किया न ही भाजपा के साथ अधिक दिखे। मंडी सदर से पिछले चुनाव कौल सिंह ठाकुर की बेटी चंपा ठाकुर ने लड़ा था, सो सवाल चंपा पर भी उठेंगे। करसोग, जोगिंद्रनगर और सरकाघाट में भी कांग्रेस लीड की उम्मीद में थी, लेकिन स्थानीय नेता विफल रहे। स्पष्ट है कि जिला मंडी में कई दिग्गजों की पॉलटिकल मैनेजमेंट फेल हो गई है। अगर स्थिति ये ही रहे तो कांग्रेस के लिए 2022 का चुनाव कठिन होने वाला है। बड़े नेताओं को ये स्वीकार करना होगा कि अकेले जयराम ठाकुर के आगे जिला मंडी में वे पस्त हुए है। जिसने मंडी जीता, सरकार उसी की बनी ! इतिहास गवाह है कि 10 विधानसभा सीटों वाला जिला मंडी जिस भी राजनैतिक दल ने जीता वही सत्ता पर काबिज हुआ और जिसे मण्डी ने ठुकराया उसे सत्ता से भी हाथ धोना पड़ा। 1982 से 2017 तक हुए 9 विधानसभा चुनाव भी इस बात की तस्दीक करते है। इन 9 में से 7 बार उसी पार्टी की सरकार बनी जिसने मंडी में सर्वाधिक सीटें जीती। जबकि 1998 में भाजपा की सरकार इसलिए बनी क्योंकि मंडी में 4 सीट कब्जाने वाली हिमाचल विकास कांग्रेस से उसका गठबंधन हुआ। वहीं 2012 में कांग्रेस और भाजपा दोनों को 5 - 5 सीटें मिली थी, हालांकि सरकार बनाने में कांग्रेस कामयाब रही थी। 2017 में कांग्रेस का सूपड़ा साफ़ हो गया। अब कांग्रेस यदि उपचुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल मान रही है तो 2022 में भी कांग्रेस की डगर आसान नहीं होने वाली। विस चुनाव कांग्रेस भाजपा अन्य 1982 5 2 3 कांग्रेस की सरकार बनी 1985 7 2 1 कांग्रेस की सरकार बनी 1990 1 8 ( गठबंधन ) 1 भाजपा की सरकार बनी 1993 9 0 1 कांग्रेस की सरकार बनी 1998 4 3 4 सुखराम के समर्थन से भाजपा सरकार बनी 2003 6 2 2 कांग्रेस की सरकार बनी 2007 3 6 1 भाजपा की सरकार बनी 2012 5 5 0 कांग्रेस की सरकार बनी 2017 0 9 1 भाजपा की सरकार बनी
हिमाचल किसान सभा के राज्य उपाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य कुशाल भारद्वाज ने दो पंचायतों नौहली व वाता-री-बिहूं को जोगिंदर नगर पुलिस थाने के अधीन दोबारा करने के संधर्व में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा। जिसमे लिखा गया कि द्रंग में नया पुलिस थाना बनने के बाद इन गांवों को जोगिंदर नगर थाना क्षेत्र से हटाकर द्रंग थाना के अधीन कर दिया गया। तभी से जनता की मांग रही है कि इन सभी गांवों को जोगिंदर नगर थाना के अधीन ही रहने दिया जाये। ये सभी गाँव जोगिंदर नगर विधान सभा क्षेत्र में आते हैं तथा इनका तहसील मुख्यालय व उपमंडल मुख्यालय भी जोगिंदर नगर ही है। तहसील मुख्यालय व एसडीएम कार्यालय से द्रंग थाना की दूरी 42 किलोमीटर है। ये गाँव वैसे भी जोगिंदर नगर से 15 से 25 किलोमीटर की दूरी पर हैं तथा यहाँ के निवासियों को तहसील व उपमंडल से संबन्धित काम करवाने के लिए जोगिंदर नगर आना पड़ता है। यदि कोई थाने से संबन्धित काम है तो फिर 42 किलोमीटर का और सफर करना पड़ता है। जब किसी व्यक्ति को एक ही काम के लिए पुलिस स्टेशन भी जाना पड़ता है और उसके बाद 42 किलोमीटर दूर तहसील या एसडीएम कार्यालय में भी जाना पड़ता है तथा वहाँ से घर लौटने के लिए 15 से 25 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ता है। इस कारण नौहली व बिहूं पंचायतों के सभी राजस्व गांवों की जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इन गांवों को द्रंग थाना से जोड़ने का निर्णय बिल्कुल भी तर्कसंगत नहीं था। अतः यहाँ की समस्त जनता उन्होंने सरकार से मांग की कि इस समस्या व मांग को ध्यान में रखते हुए नौहली व वाता-री-बिहूं पंचायतों के सभी राजस्व गांवों को द्रंग थाना क्षेत्र से निकाल कर पुनः जोगिंदर नगर थाना के अधीन किया जाये।
देश की आजादी को लेकर अभिनेत्री कंगना रनौत द्वारा दिए गए विवादित बयान की अब हर तरफ निंदा हो रही है। शनिवार को मंडी जिला में एनएसयूआई संगठन ने कंगना रनौत का पुतला जलाकर जमकर नारेबाजी की और पदमश्री पुरुस्कार कंगना से वापिस लेने के नारे लगाए गए। एनएसयूआई के जिला महासचिव अरविंद कुमार ने कहा कि जिस तरह से अभिनेत्री कंगना रनौत ने देश की आजादी को लेकर विवादित बयान दिया है उसे पूरे प्रदेश में आक्रोश है। इस मौके पर हरविंदर कुमार ने बताया कि कंगना रनौत ने देश के हजारों स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान किया है और अगर वह जल्दी अपने बयान पर सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मानती हैं तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी आग्रह किया है कि देश के खिलाफ बोलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उनसे पदमश्री अवार्ड को भी वापिस लेना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में दर्दनाक हादसा पेश आया है। सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर भांबला के नजदीक वही मोड़ के पास ईंटों से लदा ट्रक पलटने से दो लोगों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान ट्रक चालक रामेश कुमार पुत्र भाग सिंह गांव सनवाई डाकघर गेहरा और बबली देवी गांव बही के रूप में हुई है। बबली देवी हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़ी थी। उनकी ट्रक के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान काफी देर तक जाम लगा रहा। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने घटना की पुष्टि की है।
हिमाचल प्रदेश में तीन विधानसभा और एक लोक सभा उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा की नीव को हिला कर रख दिया है। यह बात हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव व दरंग विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राकेश चौहान ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह सच्चाई है कि भाजपा के अंदर नैतिकता नाम की कोई चीज ही नहीं है, उन्हें यहां नैतिकता नहीं कुर्सी प्यारी है। चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने यह संकेत दे दिए हैं कि जयराम सरकार को चलता करने में वह पीछे नहीं रहेगी। लेकिन यही सच्चाई है कि कांग्रेस पार्टी को जिला मंडी में गंभीरता से मंथन करने की जरूरत है। जिला मंडी में हर विधानसभा क्षेत्र पर पार्टी के प्रति निष्ठावान और ईमानदारी से काम करने वाले और ज्यादा कार्यकर्ताओं को जोड़ने व साथ ही उनके मनोबल को और बढ़ा, पूरी रणनीति के साथ जिला में काम करने की जरूरत है। उसमें विशेष रूप पर प्रदेश पार्टी नेतृत्व और आलाकमान को रणनीति बनानी होगी।
प्रदेश में जिस प्रकार से एक बार फिर से करोना की वैश्विक महामारी से लोग ग्रसित हो रहे हैं, उन सभी को अपने यू-ट्यूब चैनल "राम प्रकाश सर" के माध्यम से माइंड आपरेशन अकादमी के एमडी राम प्रकाश ठाकुर न केवल नकारात्मक सोच को सकारात्मक सोच में बदलने में निरन्तर प्रयत्नशील हैं बल्कि उनमें एक नई सोच का संचार भी करते नज़र आ रहे है। राम प्रकाश ठाकुर का कहना है कि जिस प्रकार से करोना की वैश्विक महामारी के भयावह दौर से लोग बिना डरे बाहर आए हैं, ठीक उसी प्रकार से यह मुश्किलों का दौर भी निकल जायेगा। उनका मानना है कि अगर हमारे जीवन में इस तरह से किसी भी प्रकार की मुश्किलें आएं तो हमें उनका डर कर नहीं बल्कि डट कर सामना करना चाहिए। जीवन में बड़े लक्ष्य को पाने के लिए हमें अपनी सोच भी बड़ी रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शाम को सोने से पहले मेडिटेशन करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें सुबह उठते ही मेडिटेशन करना चाहिए और उसके बाद हमें अपने दिन की शुरुआत करनी चाहिए। राम प्रकाश ने कहा कि मेडिटेशन को हमें अपनी जिंदगी का एक अहम अंग बनाना चाहिए क्योंकि मेडिटेशन के माध्यम से हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे जीवन में जो भी होता है वो अच्छे के लिए नहीं बल्कि बहुत अच्छे के लिए होता है और हमें अपने मन के कर्म का फल जरूर मिलता है। उन्होंने कहा कि जीवन में जिस प्रकार की भी मुश्किलें आए, उनका सामना डट कर करना चाहिए।
सरस्वती विद्या मंदिर करसोग की पूर्व छात्रा दीक्षिता व इशिता शर्मा को नीट की परीक्षा उतीर्ण करने पर विद्यालय परिवार व विद्यालय प्रबधंन समिति के सदस्यो ने हार्दिक बधाई व शुभकामनाये दी है। विद्यालय के प्रधानाचार्य राधाकृष्ण ने भी इशिता शर्मा व दीक्षिता सहित उनके माता पिता को भी बधाई व शुभकामनाये दी है। तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। संस्कृत आचार्य विशालमणी ने जानकारी देते हुए बताया कि सरस्वती विद्या मंदिर गुरूकुल की तरह शिक्षा के साथ-साथ संस्कार पक्ष व सर्वागीण विकास के लिये माना जाता है तथा यहाँ शिष्यो को उच्तम शिक्षा दी जाती है।
अभिलाषी यूनिवर्सिटी चैलचौक के स्कूल ऑफ एग्रीक्लचर मे कैरियर काउंसलिंग का आयोजन किया गया। यूनिवर्सिटी के चांसलर डा. आरके अभिलाषी ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा वाईस चांसलर प्रो. एचएस बन्याल ने इसकी सराहना करते हुए इसके फायदे बताए। इस आयोजन मे प्रवक्ता डा. रितिका सिंह ने कृषि स्नातक मे प्रवेश करने के लिए कृषि स्कूल अभिलाषी यूनिवर्सिटी के बारे मे परिचय दिया और आईसीएआर के जरिए व सीधे प्रवेश लेने के माध्यम और महत्व बताए। उन्होंने कृषि स्नातक करने के उपरांत छात्रों के सरकारी और निजी कंपनियों मे प्लेसमेंट, जैसे बैकिंग सेक्टर, एफसीआई और आत्मा प्रोजेक्ट आदि मे जाने के रास्ते भी बताए। उन्होंने कृषि से संबधित व्यवसायों जैसेमुज्षरूम कल्टीवेशन, मच्छली पालन, दुग्ध उत्पादन और ऑर्गेनिक फार्मिग आदि करने के तरीके और उसके फायदे भी बताए। कार्यक्रम के दौरान विभाग के अधिष्ठाता प्रो. डीआर ठाकुर, विभागाध्यक्ष डा. अजय कुमार गौतम और कृषि संकाय के सभी छात्र, स्टाफ सदस्य और छात्रों के अभिभावक शामिल रहे।
जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह के प्रधानाचार्य दुष्यंत कुमार सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में सत्र 2022-23 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर है। उन्होंने मंडी जिले में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के माता-पिता, अभिभावकों व सम्बन्धित राजकीय प्राथमिक पाठशाला के मुख्याध्यापकों से आग्रह किया कि जिनके बच्चे वर्ष 2021-22 में जिला मंडी में किसी भी सरकारी या मान्यता प्राप्त गैर सरकारी विद्यालय में कक्षा पांचवीं में अध्ययनरत हैं, वे जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह में सत्र 2022-23 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उप चुनाव के शोर के बीच जोगिंदरनगर की दराहल पंचायत की दो महीने की बच्ची अपने पिता के लिए इंसाफ़ माँग रही है। समाज से सवाल कर रही है कि आख़िर क्यों उसके सिर से पिता का साया उठ गया। कब उसके पिता के हत्यारों को सज़ा मिलेगी। आरोप है कि जोगिंद्रनगर की दराहल पंचायत के दरकोटी, कूडणू त्रेम्बलू गांव में एक शादी समारोह के दौरान बहसबाज़ी हुई थी, जिसके बाद आरोपियों ने इस बच्ची के पिता दिनेश को मार डाला और घर का इकलौता चिराग बुझ गया। अब इस हत्याकांड में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ़्तार किया है। इन आरोपियों में जोगिंदरनगर की द्रहाल पंचायत के दरकोटी गांव के रमन ठाकुर उर्फ़ लब्बू, पंकज ठाकुर उर्फ़ अब्बू, विनोद कुमार और कुडनू गांव के गोपाल चंद सकलानी उर्फ़ गोपी शामिल हैं। फ़िलहाल इन सभी आरोपियों को 4 दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है। इस गिरफ़्तारी के बावजूद इलाक़े के लोग ग़मगीन होने के साथ ही ग़ुस्से में भी हैं। दिनेश उर्फ़ पंकू का परिवार इंसाफ़ मांग रहा है। दिनेश के परिवारजनों की मांग है कि जितने भी लोग इस हत्याकांड में शामिल थे, उन सभी उपद्रवियों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए। हालांकि अब परिवार के सामने मुश्किल ये भी है कि इस हत्याकांड के गवाह यानि दिनेश के कुछ दोस्त अब सामने नहीं आ रहे हैं। वो गवाही देने में संकोच कर रहे हैं। ऐसे में सवाल यही है कि क्या दिनेश को पूरा इंसाफ़ मिल पाएगा। किसी के घर के बेटे को मार कर नाले में फेंक दिया जाए, तो उस परिवार को कैसे चैन से नींद आएगी। लिहाजा परिवार गवाहों से सामने आने की गुहार लगा रहा है, ताकि दिनेश के हत्यारों को कड़ी से कड़ी सज़ा मिले। दिनेश की मौत के बाद परिवार वालो का बुरा हाल है। दिनेश की हाल ही में शादी हुई थी और उनकी दो महीने की बेटी है। अभी जिस मासूम बच्ची ने दो महीने पहले ही दुनिया में क़दम रखा, उसके सिर से पिता का साया उठ चुका है।
लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि मंडी में राष्ट्रीय एकता एवं संकल्प दिवस के रूप में मनाई गई। उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से राष्ट्र की एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए सत्यनिष्ठा से समर्पित रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी व सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण करके उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी राजीव कुमार, सहायक आयुक्त संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंडी लोकसभा उपचुनाव में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के बाद अब प्रशासन ने मतगणना को लेकर समस्त प्रबन्ध मुकम्मल कर लिए हैं। निर्वाचन अधिकारी अरिंदम चौधरी ने कहा कि 2 नवम्बर को मतगणना के लिए प्रशासन ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है। संपूर्ण 17 विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान के उपरान्त सभी ईवीएम मशीनें सील करके कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग कक्षों में सुरक्षित रखी गई हैं। पुख्ता इंतजाम करते हुए ईवीएम की बहुस्तरीय सुरक्षा तय की गई है। केन्द्रीय सुरक्षा बल, राज्य आर्म्ड फोर्स तथा स्थानीय पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात हैं। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी के माध्यम से भी कड़ी निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान केवल अधिकृत लोगों को ही मतगणना स्थल के अंदर जाने की अनुमति होगी। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी। मतगणना केंद्र के समीप मीडियाकेंद्र भी स्थापित किया ही। अरिंदम चौधरी ने बताया कि 2 नवम्बर को मतगणना का कार्य मंडी, सुंदरनगर, जोगिन्द्रनगर, कुल्लू, रामपुर, रिकांगपिओ तथा भरमौर में किया जाएगा। मतगणना सुबह 8 बजे शुरु होगी। मंडी जिला में तीन स्थानों पर मतगणना की जाएगी। इसमें जिला मुख्यालय पर आईटीआई और वल्लभ पीजी कॉलेज के अलावा सुंदरनगर व जोगिंदर नगर में मतगणना की जाएगी। आईटीआई मंडी में पोस्टल बैलेट और बल्ह विधानसभा क्षेत्र जबकि वल्लभ राजकीय पीजी कॉलेज मंडी के नए भवन में विधानसभा क्षेत्र सदर व सराज के मतों की गिनती की जाएगी। इसके अतिरिक्त विधानसभा क्षेत्र करसोग, सुंदरनगर, नाचन और सरकाघाट के वोटों की गिनती जवाहरलाल इंजीनियरिंग कॉलेज सुंदरनगर में जबकि राजीव गांधी राजकीय डिग्री कॉलेज जोगिंद्रनगर में दं्रग और जोगिन्द्रनगर विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती की जाएगी। इसके अलावा राजकीय बहुतकनीकी संस्थान चम्बा स्थित सरोल में भरमौर विधानसभा क्षेत्र, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला केलांग के परीक्षा हॉल में विधानसभा क्षेत्र लाहौल-स्पीति, राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में मनाली, कुल्लू, आनी तथा बंजार विधानसभा क्षेत्र जबकि राजकीय महाविद्यालय रामपुर में रामपुर विधानसभा क्षेत्र तथा बचत भवन रिकांगपिओ में किन्नौर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना की जाएगी। बता दें कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के लिए 30 अक्तूबर को हुई वोटिंग में 57.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सबसे अधिक मतदान सराज में 70.34 प्रतिशत जबकि सबसे कम सरकाघाट में 46.72 प्रतिशत रहा।
पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फ़बारी के चलते मनाली-लेह मार्ग में यातायात सामान्य नहीं हो पाया है। सुबह के समय सड़क पर पाला जमने से वाहनों के फिसलने का खतरा है। ऐसे में बीआरओ और पुलिस प्रशासन ने लेह की तरफ जाने वाले वाहन चालकों से एहतियात बरतने की अपील की। मनाली-लेह मार्ग में दारचा से लेह तक फिलहाल वन वे ट्रैफिक के लिए खोला गया है। रविवार को लेह से मनाली की तरफ वाहनों को भेजा गया। शनिवार को दारचा से लेह की तरफ 76 वाहनों को छोड़ा जाएगा था। जिनमें 136 यात्री सरचू पार कर लेह पहुंचे थे। सड़क के दोनों ओर बर्फ होने के चलते इसे फिलहाल एकतरफा खोला गया है। दोनों तरफ से ट्रैफिक खोलने पर बर्फ के बीच मुश्किलें आ सकती हैं। हालांकि बर्फबारी के कारण कुंजुम दर्रा के पास एनएच-505 अभी भी अवरुद्ध है।
मंडी संसदीय सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए अभिलाषी विश्वविद्यालय चैलचौक की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने बुधवार को चच्योट उपमंडल के अंतर्गत आने वाले चार गांवों की जनता को वोट देने के लिए जागरूक किया। अभिलाषी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यकारी अधिकारी डॉ अभिषेक सोनी ने बताया कि 30 अक्तूबर को मंडी संसदीय सीट के लिए उपचुनाव आयोजित किए जा रहे है। अभिलाषी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर प्रोएचएस बनयाल ने बताया कि इसी कड़ी में जागरूकता पोस्टर रिलीज किया गया। प्रो.बनयाल ने कहा कि स्वयंसेवक गाँव-गाँव जाकर लोगों को वोट के महत्त्व से अवगत करवाएं। स्वयंसेवकों द्वारा नौग्रांव, बणी, चच्योट, रैडी तथा चौगान में गांव में डोर-टू-डोर जाकर लोगों को मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। गांव में जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए।
प्रदेश में 4 उपचुनावों के चलते आज शाम 5 बजे शराब के ठेके बंद कर दिए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में उपचुनावों से जुड़े 20 विधानसभा क्षेत्रों में पांच बजे से 48 घंटे तक चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगने जा रहा है। यह प्रतिबंध मतदान के दिन 30 अक्तूबर तक शाम पांच बजे तक रहेगा। इसके बाद 2 नवंबर को मतगणना के दिन भी शराब की ब्रिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। संबंधित क्षेत्रों में आने वाले होटल, रेस्टोरेंट, क्लब में शराब की बिक्री व वितरण पर रोक रहेगी। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के मुताबिक उपचुनावों से जुड़े लोकसभा और विस क्षेत्रों में प्रतिबंध एक साथ लागू होगा। यदि कहीं पर भी शराब की दुकान से बिक्री होते मिली तो उसका लाइसेंस रद्द किया जाएगा। इस बाबत निर्वाचन अधिकारियों ने सभी मजिस्ट्रेट, एडीएम, एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। गौरतलब है कि संसदीय क्षेत्र मंडी में 17 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। सदर मंडी, करसोग, सुंदरनगर, नाचन, सराज, द्रंग, जोगिंद्रनगर, बल्ह, सरकाघाट, भरमौर, लाहौल-स्पीति, मनाली, कुल्लू, बंजार, आनी, रामपुर और किन्नौर शामिल हैं। जुब्बल कोटखाई, फतेहपुर और अर्की में भी उपचुनाव हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों में शराब की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी।
अरुणाचल प्रदेश में 13 डोगरा रेजीमेंट में तैनात हिमाचल प्रदेश के जोगिंद्रनगर के भटवाड़ा गांव के नायक अमित कुमार की पेट्रोलिंग के दौरान सड़क हादसे में मौत हो गई है। सैनिकों को ले जा रहा वाहन खाई में गिर गया, जिसमें नौ सैनिक घायल हो गए। नायक अमित कुमार को सेना ने युद्ध में हताहत का दर्जा दिया है और 26 अक्तूबर को राजकीय सम्मान के साथ शहादत पाने वाले सैनिक का पैतृक गांव में अंतिम संस्कार होगा। हवाई मार्ग से दिल्ली तक शहीद की पार्थिव देह पहुंचेगी और उसके बाद सेना के एक विशेष वाहन में मंगलवार को जोगिंद्रनगर में 11 बजे पहुंचने की उम्मीद है। इस दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई देंगे। सैन्य सम्मान भी नायक अमित कुमार को मिलेगा। जोगिंद्रनगर के एसडीएम डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने सैनिक की शहादत की पुष्टि करते हुए कहा कि सैनिक के राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी सैनिक के परिजनों को दी जा रही है। एसडीएम ने वीर सैनिक की शहादत पर परिजनों को सांत्वना देते हुए प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दिलाने का ऐलान किया है। यह हादसा 23 अक्तूबर का बताया जा रहा है। बता दें कि नायक अमित कुमार की नौ माह पहले ही शादी हुई थी और इस करवाचौथ में पत्नी ने अपने पति की दीर्घायु की कामना के लिए व्रत रखने की भी तैयारी थी। इसी दौरान पति की शहादत की खबर मिलने से पूरा परिवार स्तब्ध है। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन घायल बताए जा रहे हैं। मिला जानकारी के मुताबिक दुर्गापुर-रिवालसर रोड पर एक कार सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस व एंबुलेंस को फोन कर हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई है। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।
राष्ट्रीय मानव देखभाल संगठन के शाखा कार्यालय सुंदरनगर के अन्तर्गत शेगल पंचायत में पदम S/o गंगा के परिवार के पास जाकर संस्था ने आर्थिक सहायता प्रदान की। इस बात की जानकारी संगठन की सलाहकार भीमा देवी ने दी। सलाहकार भीमा देवी ने संस्था को जानकारी देते हुए बताया कि गांव पैडी, डा०घर-पौडा कोठी, तह सुंदरनगर (निहरी) जिला मण्डी में एक ऐसा परिवार रहता है, जिसकी स्थिति बहुत ही दयनीय है। उस परिवार के पास रहने के लिए अच्छा मकान भी नहीं है। उस परिवार में 2 सदस्य हैं तथा उनका कमाई का साधन दिहाड़ी लगाने के अलावा कुछ भी नहीं है। परिवार के मुखिया पदम लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे है जिसके कारण वे दिहाड़ी कमाने मे भी असमर्थ है। इसी के चलते शाखा कार्यालय सुंदरनगर से शाखा प्रबंधक विनोद ठाकुर, सहायक संचालक मनीष तथा उनके साथ में जिला समन्वयक रमेश कुमार, स्वयंसेवक विनोद तथा सलाहकार भीमा देवी ने संस्था के द्वारा उस परिवार को राशन, कपड़े, बर्तन इत्यादि दिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत शेगल के उपप्रधान घनश्याम और वार्ड पंच किरपी देवी भी उपस्थित रहें।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में एचआरटीसी बस की अचानक ब्रेक फेल हो गई। लेकिन चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।यह घटना शोरशन के समीप हुई। बस चालक ने सीट पर खड़ा होकर जोर से ब्रेक दबाने का भी प्रयास किया, लेकिन बस नहीं रुकी। चालक ने ब्रेक फेल होने की भनक सवारियों तक को नहीं लगने दी और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को लिंक रोड पर चढ़ा दिया। जिसके बाद बस की स्पीड कम हुई और धीरे-धीरे पीछे हटी। इसके बाद बस सड़क पर पलट गई। इस दौरान बस का शीशा टूटने से दो लोगों को हल्की चोटें आई हैं जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल सुन्नी ले जाया गया है। चालक की सूझबूझ से बस को भी नुकसान नहीं हुआ। ये बस सलाणा से करसोग जा रही थी। बस मे में चालक-परिचालक सहित 13 लोग सवार थे। हादसे की सूचना क्षेत्रीय प्रबंधकसहित थाना करसोग को दी गई।
अभिलाषी विश्वविद्यालय चैलचौक मे "हमारे कार्य हमारा भविष्य-बेहतर उत्पादन, बेहतर पर्यावरण और बेहतर जीवन" विषय पर विश्व खाद्य दिवस 2021 के उपलक्ष्य में एक वेबिनार का आयोजन किया। विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों के शिक्षाविद और विद्यार्थी, इस वेबिनार से जुड़े। डा. डी. आर. ठाकुर, डीन कृषि संकाय ने सभी गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. आर. के. अभिलाषी ने बेहतर उत्पादन, बेहतर पर्यावरण और बेहतर जीवन के लिए एक आवश्यक उपकरण के रूप में कृषि के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कृषि विद्यालय की आयोजन टीम को आज की महामारी की स्थिति में भी विश्व खाद्य दिवस के संदर्भ में इस तरह के वेबिनार के आयोजन के लिए बधाई दी। कुलपति प्रो. एच. एस. बनयाल ने अपने संबोधन में इस वेबिनार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कृषि के महत्व को इस तरह बताया कि कोई भी राष्ट्र इसके बिना जीवित नहीं रह सकता और और न ही प्रगति कर सकता है। उन्होंने विभिन्न फसलों के उत्पादन में कृषि अध्ययन के महत्व और सिंचाई प्रणाली, अनुसंधान, उर्वरक कीटनाशकों और जड़ी बूटियों में उचित निवेश को महत्व देने को कहा और साथ ही जीवन की बेहतर गुणवत्ता और बेहतर पर्यावरण के लिए कृषि के महत्व पर ज़ोर दिया। उन्होंने कृषि के छात्रों को इस दिशा में भी शोध करने पर जोर देने को कहा। डा. अशोक कुमार पूर्व कुलपति एपेक्स प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पाशीघाट अरुणाचल प्रदेश ने विश्व खाद्य दिवस मनाने के उद्देश्य के बारे में बताया। उन्होंने ग्लोबल हंगर इंडेक्स (जीएचआई), विभिन्न क्रांतियों, भारतीय कृषि के लक्ष्य, भोजन में पोषक तत्वों की कमी, खाद्य उत्पादन पर जलवायु के प्रभाव और ऐसी खतरनाक स्थिति से निपटने के लिए भारत सरकार की पहल पर भी जोर दिया। डा. अजय कुमार गौतम ने मुख्य वक्ता, प्रतिभागियों एवं कृषि संकाय के शिक्षकों का इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। इस वेबिनार में प्रो. चांसलर डा. एल. के. अभिलाषी, रजिस्ट्रार इंजीनियर कपिल कपूर, सभी विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष और कृषि संकाय के सभी विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य जुड़े हुए थे।
शनिवार को करसोग की प्लैटिनम सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की टीम द्वारा करसोग बाजार में आवारा कुत्तों के लिए एंटी रेबीज वैक्सीनेशन कैंप लगाया गया। संस्था प्रमुख लक्ष्य शर्मा, रितु वर्मा व मीना शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि करसोग में आये दिन आवारा कुत्तों की संख्या में वृद्धि हो रही है तथा लोगों को रास्तों में चलना मुश्किल हो गया है। तथा यह आवारा कुत्ते कभी भी किसी व्यक्ति को अपना शिकार बना सकते हैं। उसी के चलते वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ रविंदर तथा उनके विभाग के कुछ कर्मचारियों( शिवराम और ढालचंद) के सहयोग से इस वैक्सीनेशन कैंप को सफलतापूर्वक पूरा किया गया। संस्था के कर्मचारी समस्त जनता से आग्रह करते है कि ऐसे कार्यों को करने के लिए सदैव आगे आएं और समाज के प्रति अपने दायित्व को समझे और उन्हें निभाने का भी प्रयास करें। इस वैक्सीनेशन कैंप के अंतर्गत प्लैटिनम सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की टीम द्वारा लगभग 10 आवारा कुत्तों को वैक्सिंग लगने की पुष्टि की गई है। तथा उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बचे बाकी आवारा कुत्तों को भी यह वैक्सीन लगाई जाएगी।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि मंडी लोकसभा उपचुनाव के दृष्टिगत निर्वाचन आयोग ने 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाताओं के साथ-साथ दिव्यांगजनों एवं कोविड 19 पॉजिटिव मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध करवाई है। इसके लिए जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित 1373 पात्र मतदाताओं के लिए 16 अक्तूबर से लेकर 19 अक्तूबर तक घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट मतदान को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 6 टीमों का गठन कर लिया गया है। एसडीएम ने शुक्रवार को पोस्टल बैलेट मतदान को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होने बताया कि जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित पोस्टल बैलेट को लेकर 1373 पात्र मतदाताओं ने फार्म 12 डी भरकर सहायक निर्वाचन अधिकारी को संबंधित बीएलओ के माध्यम से उपलब्ध करवाए हैं। अब इन सभी पात्र मतदाताओं के लिए 16 अक्तूबर से घर-घर जाकर पोस्टल बैलेट मतदान की प्रक्रिया शुरू की जा रही है जो आगामी 19 अक्तूबर तक जारी रहेगी। इस बीच किसी कारणवश छूटे हुए मतदाताओं की पोस्टल बैलेट मतदान प्रक्रिया को 20, 21 व 22 अक्तूबर को पूरा किया जाएगा। साथ ही बताया कि जिन मतदाताओं को पोस्टल बैलेट की सुविधा उपलब्ध हो गई है अब ऐसे मतदाता सामान्य तौर पर मतदान केंद्र में जाकर मतदान नहीं कर सकेंगे। उन्होने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पोस्टल बैलेट मतदान के दौरान अपने-अपने पोलिंग एजेंट तैनात करने को कहा ताकि इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जा सके। साथ ही निर्धारित शेड्यूल को भी संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा कर लिया गया है जिसके तहत संबंधित पोलिंग टीमें पोस्टल बैलेट मतदान की प्रक्रिया को पूर्ण करवांएगी। उन्होने बताया कि इस दौरान पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी के साथ-साथ माइक्रो ऑब्जर्वर, संबंधित मतदान केंद्र के सेक्टर अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं संबंधित बीएलओ मौजूद रहेंगे। इसके अतिरिक्त पोस्टल बैलेट मतदान की तमाम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से पोस्टल बैलेट मतदान प्रक्रिया को निर्धारित शेड्यूल के तहत पूर्ण करवाने के लिए अपना संपूर्ण सहयोग प्रदान करने का आहवान किया है। साथ ही इस बारे संबंधित मतदाताओं को भी समयबद्ध अवगत करवाने पर बल दिया। उन्होने सभी पात्र मतदाताओं से अपने-अपने पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान करने का भी विशेष आग्रह किया है ताकि पोस्टल बैलेट मतदान में ज्यादा से ज्यादा पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस दल की ओर से रमण बहल, भाजपा की ओर से विनय कुमार व सुदेश ने भाग लिया। इस मौके पर कानूनगो निर्वाचन तेज सिंह ठाकुर, कनिष्ठ सहायक मोहन सिंह भी उपस्थित रहे।
सीएम जयराम ठाकुर ने वीरवार को सराज विधानसभा क्षेत्र के चौलथाच में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग बार-बार मंडी का जिक्र कर रहे हैं। मगर उन्हें मैं बताना चाहता हूं कि मंडी का मतलब मंडी संसदीय क्षेत्र है। इसमें किन्नौर से भरमौर और रामपुर भी आता है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सराज विधानसभा क्षेत्र में किए गए विकास कार्य भी गिनवाए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष को बताया कि मैं यहां का विधायक हूं, सीएम बाद में हूं। चुने हुए प्रतिनिधि होने के नाते यह मेरी जिम्मेदारी है कि यहां की जनता की सेवा पहले करूं। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में हमने विकास कार्यों रुकने नहीं दिया। कांग्रेस वालों ने तो एक-एक लिस्ट बनाई, 12 करोड़ का बिल बनाया और पार्टी हाईकमान को भेजा और खाते में डालने को कहा। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जो अपनी ही पार्टी को ठगने से बाज नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही। आज हमारे मित्र बेरोजगारी और महंगाई का आरोप लगा रहे हैं। सारी महंगाई और बेरोजगारी पिछले चार साल में नहीं आई। नौकरी देने के लिए हम जितना कर सकते हैं उसे हम कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार से पूछना चाहिए कि तुम लोगों ने गरीबों के लिए क्या किया। हमार सरकार ने 65 वर्ष की आयु वाली माताओं के लिए पेंशन दी। हमने गरीबों के लिए हिमकेयर योजना चलाई, जिसके तहत 1 लाख 75 हजार गरीबों का इलाज करवाया। सहारा योजना चलाई जिसमें पात्र को हर महीने 3 हजार रुपये उनके खाते में डालते हैं। बीपीएल परिवार की बेटी को शगुन योजना में पात्रों को 31 हजार दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को करसोग विधानसभा क्षेत्र के केलोधार में बीजेपी प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह द्वारा कारगिल युद्ध पर बीते दिन बयान पर भी सवाल उठाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझे बहुत विचित्र लगा जब प्रतिभा सिंह ने कारगिल को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा, “मैं किसी के बारे में व्यक्तिगत नहीं बोलता लेकिन कल जो उन्होंने कहा, उससे दुख पहुंचा। कारगिल में हमारे हिमाचल के 52 जवान शहीद हुए और इस युद्ध को छोटी सी लड़ाई कहा जा रहा है।"इससे पहले मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रतिभा सिंह पहले ही मंडी में कह चुकी हैं कि वो ये चुनाव नहीं लड़ना चाहती थीं। अगर ऐसा है तो उन्हें मजबूरी में इलेक्शन नहीं लड़ना चाहिए।"सीएम ने कहा, “आज मोदी जी के हाथों को मजबूत करने की जरूरत है। मैं खुले तौर पर कह रहा हूं कि मंडी हमारी थी और हमारी रहेगी। मंडी के लोगों को नेतृत्व करने का सौभाग्य मिला है। मंडी लोकसभा क्षेत्र लंबे अरसे से मुख्यमंत्री के लिए प्रयत्न कर रहा था। बारी-बारी से सभी लोकसभा क्षेत्रों से मुख्यमंत्रियों को मौका मिला। कांगड़ा, हमीरपुर, शिमला से भी मुख्यमंत्री बन चुके थे।आखिर में मंडी को मौका मिला।” कोविड का जिक्र करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि मुझसे पहले पांच मुख्यमंत्री प्रदेश में हुए, लेकिन उन्हें सामान्य परिस्थितियों में काम करने का मौका मिला। हमारी बारी आने पर परिस्थितियां असामान्य थीं। इसमें कोरोना का संकट सबसे बड़ा था। कोविड के संकट के बावजूद हमने विकास को गति देने की कोशिश की। कोरोना के कारण जिस तरह से काम करना चाहते थे वैसे काम करने का समय नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने कहा, “कोरोना आने से पहले ही मैंने सवा साल में ही 68 विधानसभाओं का दौरा कर लिया था। इसके बाद कोरोना आया तो लोगों के बीच नहीं जा सके। फिर भी हमने ऑनलाइन उद्घाटन व शिलान्यास किए। हमारी किस्मत में लिखा था कि हमें परीक्षाओं के दौर से गुजरना पड़ेगा। मैं सभी लोगों का आभारी हूं कि उस दौर में आपने हिम्मत से हमारा साथ दिया। अब आपका फिर सहयोग चाहिए, खुशाल ठाकुर जी को बड़े अंतर से विजयी बनाएं।”
एक तरफ भाजपा प्रत्याशी के रूप में ब्रिगेडियर मोरचा संभालेंगे तो दूसरी ओर कांग्रेस के स्टार प्रचारक के रूप में अभिनेता और सांसद राज बब्बर जुबानी हमला बोलेंगे। दिलचस्प यह होगा कि चुनावी जंग में कांग्रेस के स्टार प्रचारक में रूप में वह किस तरह से ब्रिगेडियर के सामने हुंकार भरेंगे। हिमाचल प्रदेश के मंडी संसदीय उपचुनाव में कांग्रेस हिंदी सिनेमा की चर्चित एलओसी कारगिल फिल्म में ब्रिग्रेडियर कुशाल ठाकुर का किरदार निभाने वाले अभिनेता राज बब्बर को स्टार प्रचारक के रूप में फील्ड में उतारेगी। जल्द रील और रियल चरित्र चुनावी जंग में आमने-सामने होंगे। कारगिल युद्ध में 18 ग्रेनेडियर के कमान अधिकारी के रूप में रीयल लाइफ हीरो बिग्रेडियर ने ही सामरिक महत्व की टाइगर हिल और तोलोलिंग की चोटियों से पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर कब्जा किया। इस असाधारण पराक्रम के लिए युद्ध सेवा मेडल से ब्रिगेडियर कुशाल को सम्मानित किया गया था। यूनिट ने रिकॉर्ड 52 वीरता पुरस्कार प्राप्त किए थे। मंडी लोकसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया सोमवार को पूरी हो गई। भाजपा प्रत्याशी कुशाल चंद ने कुशाल के आगे बिग्रेडियर और सरनेम में ठाकुर लगाने का आवेदन किया था, जिसे नियमों के तहत स्वीकार कर लिया गया। अब बैलेट पेपर में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर बिग्रेडियर कुशाल ठाकुर नाम चढ़ेगा।
प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त हि प्र अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ व हि प्र विद्युत बोर्ड कर्मचारी यूनियन द्वारा सुंदर नगर में शहीदी स्मारक चौक पर 'शहीदी दिवस' का आयोजन किया गया। इसमें विशेष अतिथि के रुप में महासंघ के प्रदेश महामंत्री राजेश शर्मा उपस्थित रहे। उनके साथ जिला महासचिव लाल सिंह ठाकुर, संयुक्त सचिव मुरारी लाल शर्मा व सदर ब्लाक के प्रधान योगेन्द्र पाल सरोच ने भी शिरकत की तथा पूर्व कर्मचारी नेता हरीश शर्मा और लाल सिंह चावला भी उपस्थित रहे। इस मौके पर प्रदेश महासचिव ने कहा कि 10 अक्टूबर 1980 को कर्मचारी हितों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री राम लाल ठाकुर के शासनकाल में फायरिंग में कर्मचारी भाई अमर सिंह विद्युत विभाग एवं भाई रत्नु तकनीकी शिक्षा शहीद हो गए थे। ऐसे ही संघर्ष के दौरान प्रदेश के कई स्थानों पर विभिन्न घटनाओं में शहीद हुए कर्मचारी नेताओं की याद में हर वर्ष 10 अक्टूबर को अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ शहीदी दिवस के रूप में मनाता आया है। उन्होंने कहा कि आचार संहिता के बाद शीघ्र ही जेसीसी बैठक का आयोजन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में किया जाएगा। जिसमें सभी विभागों के कर्मचारियों की जायज मांगों को सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। इस हेतु 62 सूत्रीय मांग पत्र सरकार को भेजा जा चुका है। उन्होंने अगले साल बेहतर व योजनाबद्ध तरीके से शहीदी दिवस मनाने की बात कही। शहीदों की स्मृति में सुंदर नगर अस्पताल में निर्मित सराय को सुचारू रूप से चलाने का मामला भी प्रशासन से उठाने का भरोसा दिलाया।
शरद नवरात्रों के दौरान शनिवार को शिव भूमि स्थित पुष्प वाटिका में स्थानीय व्यवसायी स्व. कल्याण चंद सूद की स्मृति में धर्म संस्कृति सहित वनस्पति विज्ञान एवं आर्युवेद से जुड़े पीपल के पौधे की विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत स्थापना की गई। इस दौरान पंडित दिनेश शर्मा ने पूजन विधि संपन करवाई और उपस्थित श्रद्धालुओं को बताया कि जहां पीपल को भारतीय संस्कृति में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है तथा अनेक पर्वों पर इसकी पूजा की जाती है वहीं पीपल के पेड़ में शनिदेव का वास माना जाता है। इस दौरान सुरेंद्र सूद एवं अन्य परिजनों ने पीपल के पौधे को मंत्रोच्चारण के साथ रोपित किया। इस अवसर पर स्व. कल्याण चंद सूद की धर्मपत्नी कमलेश सूद, बेटी शीतल व दामाद अमित सूद, ओम मरवाह व पत्नी दिङ्क्षवद्रा मरवाह, जे.के.गुप्ता, रोशन लाल शर्मा, सुभाष राठौर, देशराज सूद, अशोक सूद, ओमानंद शर्मा, विजय बावा, मुनीश बंटा, शेरू व बलदेव ठाकुर उपस्थित रहे।
भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी चंदन पंडित ने ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को मंडी संसदीय क्षेत्र से एक सशक्त उम्मीदवार बताते हुए कहा कि भाजपा ने उन्हें पार्टी प्रत्याशी बना कर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारतीय जनता पार्टी परिवारवाद और रजवाड़ाशाही में विश्वास नहीं रखती है। इसलिए पार्टी ने एक आम परिवार से संबंधित व्यक्ति को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। जिन्होंने अपना पूरा जीवन देश सेवा में व्यतीत किया है। जनता की समस्याओं व ज़रूरतों को समझने वाले व्यक्तित्व पर भाजपा शीर्ष नेतृत्व, संगठन और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया है। इसलिए संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता का यह कर्तव्य बनता है कि वह इस निर्णय को सार्थक सिद्ध करे। चंदन पंडित ने कहा कि अपने शीर्ष नेतृत्व के दिशा निर्देशानुसार भारतीय जनता युवा मोर्चा पार्टी प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात एक कर देगा। बूथ स्तर व ग्राम केंद्र स्तर पर युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जनता के मध्य जाएगा और पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जनता से वोट की अपील करते हुए, यह बात भी सुनिश्चित करेगा कि इस उपचुनाव में अधिक से अधिक मतदान बूथ पर हो। चंदन पंडित ने कहा कि एक पूर्व सैनिक जिसने कारगिल व तोलोलिंग जैसी दुर्गम पहाड़ियों को युद्ध में जीतकर भारत माता के गौरव की रक्षा की है, ऐसा व्यक्तित्व आज मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता के मध्य में है जो संसद में मंडी के हितों की आवाज़ बुलंद करने का पूरा दमख़म रखता है।
स्व.वीरभद्र सिंह अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन मंडी संसदीय उप चुनाव के भंवर में कांग्रेस उनके नाम व सहानुभूति के जरिए अपनी नैया पार लगाने की तैयारी में है। इसीलिए वीरभद्र सिंह के परिवार से ही प्रतिभा सिंह को कांग्रेस ने प्रत्याशी बना कर संगठन को फिर चुनावी मैदान में लाकर खड़ा कर दिया है। जिसके चलते शुक्रवार को प्रतिभा सिंह के नामांकन में न सिर्फ मंडी जिला, बल्कि पूरे संसदीय क्षेत्र के साथ हिमाचल भर से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थकों व चाहने वालों का जमावड़ा देखने को मिला। लंबे समय के बाद मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस एकजुटता भी दिखाने का प्रयास कर रही है। हालांकि शुक्रवार की रैली में न तो कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू पहुंचे और न ही पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा आए। आश्रय शर्मा ने शुक्रवार सुबह ही कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर के खिलाफ एक बयान जारी कर मोर्चा खोल दिया। बहरहाल शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का नामाकंन भरवा कर कांग्रेस ने चुनावी हुंकार भर दी है। यही नहीं इस उप चुनाव को कांग्रेस 2022 के विस चुनावों को सेमिफाइनल मानते हुए पूरी गंभीरता से लेती दिख रही है, लेकिन कांग्रेस के अंदर की गुटबाजी एकजुटता में कहां तक बदल पाती है और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गढ़ में कांग्रेस कैसे अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा प्राप्त करेगी, यही सबसे बड़ा सवाल है।
मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर समेत अन्य मंत्रियों और भाजपा के विधायकों व पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने पर्चा भरा। नामांकन के बाद मंडी के सेरी मंच से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की जयराम सरकार ने जो विकास कार्य किए हैं, हम उसी के दम पर चुनाव जीतेंगे। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने भारत माता की जय के नारे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की और प्रत्याशी बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश के नेतृत्व का धन्यवाद अदा किया।


















































