फर्स्ट वर्डिक्ट।धर्मपुर गत 29 नवंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा की गई घोषणा के बाद प्रदेश सरकार के आदेश के बाद आज धर्मपुर में पीडब्लूडी का वृत कार्यलय खुलने पर प्रदेश भाजपा मीडिया सह प्रभारी व धर्मपुर के युवा भाजपा नेता युवराज रजत ठाकुर ने, प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, प्रदेश के जलशक्ति मंत्री एवम स्थानीय विधायक ठाकुर महेंद्र सिंह का धन्यवाद किया है। उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश भर में सराहनीय कार्य कर रही है। भाजपा सरकार ने पहले ही प्रदेश की जनता से वायदा किया था कि हर क्षेत्र में हर सुविधा घर द्वार पहुंचाई जाएगी। जिसके चलते आज धर्मपुर में भी हर सुविधा जुटाई जा रही है। लोक निर्माण विभाग का वृत कार्यलय आज यहाँ खुला है इससे पहले जलशक्ति विभाग का वृत कार्यलय प्रदेश सरकार द्वारा संचालित किया जा रहा है और भी बहुत से विभागीय कार्यलय खुल चुके हैं कुछ खुलने वाले है, जिसके लिए धर्मपुर की जनता की ओर से प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री, जल शक्ति मंत्री का धन्यवाद करते है, वहीं धर्मपुर की जनता भी बधाई की पात्र है।
क्रांति सूद। जोगिंद्रनगर कहते हैं कि ज़िंदगी कभी भी किसी भी ओर अपने कदम मोड़ देती है। कुछ ऐसा ही हुआ है, हिमाचल प्रदेश के जोदिंद्रनगर के रहने वाले पियार चंद के साथ। पियार चंद 43 वर्ष के हैं और बस्सी पंचायत के मनोह गांव के एक गरीब परिवार से ताल्लुक़ रखते हैं, लेकिन इन दिनों चंडीगढ़ में ज़िंदगी की जंग लड़ रहे हैं। पियार चंद वहां कुछ समय पहले तक एक होटेल में छोटी-सी नौकरी कर रहे थे। पर एक दिन पूरे शरीर में सूजन आ गई। पीजीआई चंडीगढ़ में जांच करवाई तो पता चला कि दोनों किडनियां ख़राब हो चुकी हैं। अब डॉक्टरों का कहना है कि उनके किडनी ट्रांसप्लांट के लिए चार से छ लाख रुपए की जरूरत है। बुरे वक़्त में गई नौकरी अभी वो किसी तरह एक-एक दिन निकाल रहे हैं। हफ़्ते में दो बार उनकी डायलिसिस होती है। उनकी मुश्किल ऐसे भी बढ़ी कि पिछले दिनों इसी बीमारी के दौरान उनकी नौकरी भी छूट गई। ग़रीब परिवार घर में दो छोटे बच्चे हैं और इस परिवार का न तो कोई BPL कार्ड है और न ही कोई दूसरी आय का साधन। हां हिम केयर हेल्थ कार्ड है, जो PGI चंडीगढ़ में बहुत काम नहीं आता। यानी न के बराबर। समाजसेवियों से मदद की आस अब इस परिवार को मदद की आस हिमाचल के समाजसेवियों, आम नागरिकों, नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और कारोबारियों से ही है। यानी किसी तरह इस परिवार की मदद की जाए। जिससे न सिर्फ़ एक जिंदगी बचे, बल्कि इस परिवार के लिए भी आर्थिक मदद पहुंचे, ताकि प्यार चंद का इलाज करवा कर एक डूब रहे परिवार को बचाया जा सके। ऐसे करें मदद अगर आप प्यार चंद की मदद करना चाहते हैं, तो उसके खाता संख्या नंबर 6307 000 100 007 174 पर पैसे डाल कर उसकी मदद कर सकते हैं। शाखा का ifsc code है PUNB0630700
फर्स्ट वर्डिक्ट। सरकाघाट सरकाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत फतेहपुर रेडू की बेटी ने सरकाघाट का नाम चमकाया है। रिया गौतम अब गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज नाहन से एमबीबीएस की पढ़ाई करेगी । रिया के पिता संजीव कुमार आर्मी से रिटायर है, वही माता गृहणी है, रिया गौतम ने अपनी12वीं की पढ़ाई एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल से की है। उन्होंने बताया है कि शिक्षकों और माता पिता के मार्गदर्शन से यह मुकाम हासिल किया है। उसने 12वीं में मेडिकल में 93% अंक हासिल किए हैं| स्कूल के महाप्रबंधक सुरेंद्र कुमार राणा, प्रधानाचार्य प्रेमचंद ठाकुर व उप प्रधानाचार्य नरेंद्र गौतम ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है। इस मौके पर महाप्रबंधक ने रिया का मुंह मीठा करवाया और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।
गोपालपुर-2 खंड की 98 में से 12 उत्कृष्ट समितियों को कोट हटली में किया पुरस्कृत फर्स्ट वर्डिक्ट। सरकाघाट राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला कोट हटली में आयोजित शिक्षा खंड गोपालपुर द्वितीय की प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च व वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं की खंड स्तरीय उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समितियों को पुरस्कृत करने के लिए समारोह आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय विधायक कर्नल इंद्र सिंह ठाकुर मुख्यातिथि के तौर पर शामिल हुए। खंड के 98 विद्यालयों में से 12 उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समितियों का पुरस्कार के लिए चयन हुआ है। यह चयन पहले कलस्टर स्तर पर और उसके बाद खंड स्तर पर हुआ, जिनमें से उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समितियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्राथमिक विद्यालयों में से राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बग्ग पौंटा को प्रथम पुरस्कार, राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला कोट हटली को द्वितीय, राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला टिक्करी सध्वानी व राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला समैला को तृतीय पुरस्कार मिला। माध्यमिक विद्यालय वर्ग में राजकीय माध्यमिक पाठशाला घरवासडा़ को प्रथम, राजकीय माध्यमिक पाठशाला धबोई को द्वितीय व राजकीय माध्यमिक पाठशाला नगरोटा को तृतीय पुरस्कार मिला। उच्च विद्यालय वर्ग में राजकीय उच्च विद्यालय कैहरी प्रथम, राजकीय उच्च विद्यालय सुलपुर बही द्वितीय तथा राजकीय उच्च विद्यालय कलथर को तृतीय पुरस्कार मिला। वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पौंटा प्रथम, श्रीमति बालशैला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बल्द्वाडा द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोट हटली को तृतीय पुरस्कार मिला। पुरस्कार वितरण समारोह खंड परियोजना अधिकारी राकेश धीमान की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। समारोह के आयोजक प्राईमरी व अपर प्राईमरी के बीआरसी अशोक कुमार व संगीता कुमारी ने बताया की शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों अनुसार प्रतिवर्ष सभी विद्यालयों में से उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्कूल प्रबंधन समिति को सम्मानित करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, ताकि सभी स्कूल प्रबंधन समितियां एक दूसरे से प्रेरित होकर अपने-अपने विद्यालयों में बेहतर समन्वय स्थापित करके विद्यालयों की बेहतरी के लिए आपसी तालमेल स्थापित कर हर संभव प्रयास करें। समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यालयों में अभिभावकों व समाज की सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यातिथि कर्नल इंद्र सिंह ठाकुर ने संबोधन में कहा कि आज के इस दौर में विद्यालयों का प्रबंधन केवल स्कूल मुखियाओं व शिक्षकों तक ही सीमित नहीं रह गया है। किसी भी विद्यालय की उन्नति के लिए जन सहभागिता भी बेहद जरूरी है और स्कूल प्रबंधन समितियां इस कड़ी में बाखूबी काम कर रही हैं। उन्होंने कहा हमें उम्मीद ही नहीं विश्वास भी है कि सरकाघाट के हर विद्यालय की स्कूल प्रबंधन समिति अपने कार्य से उत्कृष्टता के पैमाने के नए आयाम स्थापित करेंगी, अभिभावकों व समाज को इस दिशा में अपना योगदान देना होगा। उन्हाेंने कहा कि स्कूल प्रबंधन समिति विद्यालयों में एक ऐसा स्तंभ है, जो विद्यालयों की हर शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक गतिविधियों में अपनी सहभागिता से बेहतर परिणाम हासिल कर सकती हैं। इस समारोह में अन्य गणमान्य व्यक्तियों में सेवानिवृत्त उपनिदेशक (उच्च शिक्षा) अशोक शर्मा, कोट हटली पंचायत की प्रधान नीलम ठाकुर, उप-प्रधान कुशल व विभिन्न स्कूलों से आए प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक, सीएचटी सहित अन्य शिक्षकों व पुरस्कृत स्कूल प्रबंधन समितियों के सदस्य इस आयोजन में शामिल रहे।
जोगिंदरनगर। क्रांति सूद असेन्ट स्कूल जोगिंदर नगर का छात्र लक्ष्य ऐरी ने एमबीबीएस की परीक्षा उतीर्ण कर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। लक्ष्य अपनी एम बीबीएस की शिक्षा अन्ना मेडिकल कॉलेज मॉरिशस से प्राप्त करेगा। लक्ष्य ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के गुरुजनों और माता पिता को दिया है। जिनके मार्गदर्शन व सहयोग से आज वे इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं। लक्ष्य के पिता सुभाष ऐरी जोगिंदरनगर के प्रतिष्ठित व नामी व्यापारी हैं वहीं इनकी माता ग्रहणी हैं। लक्ष्य बचपन से ही पढ़ाई लिखाई में अग्रणी रहे। वहीं पढ़ाई के साथ_साथ खेलों में भी लक्ष्य ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। वह प्रदेश स्तर पर अंडर-19 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में अपना लोहा मनवा चुकें हैं। सत्रह साल की छोटी सी उम्र में लक्ष्य ने नीट की परीक्षा पहली बार में उतीर्ण कर नया रिकॉर्ड बनाया है। वहीं जमा दो की बोर्ड की परीक्षा में लक्ष्य ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। लक्ष्य के अभिभावकों का कहना है कि उन्हें अपने बेटे की सफलता पर गर्व है व इस बात की खुशी है कि लक्ष्य ने अपने स्कूल के साथ साथ समूचे क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है। असेन्ट स्कूल के प्रबंधक लक्की ठाकुर ने लक्ष्य की कामयाबी पर उन्हें, उनके अध्यापकों व अविभावकों को बधाई दी व उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज साेनी। करसोग मार्क सोशल फाउंडेशन ने करसोग विधानसभा क्षेत्र में बेसहारा पशुओं की बढ़ती हुई तादाद को देखते हुए विधायक हीरालाल तथा प्रशासन से उनके संरक्षण की ओर कदम उठाने के लिए अपील की है। संस्था संचालक लक्ष्य शर्मा ने जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र में समाजसेवी संस्थाओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर 3 गौसदनों का सफल संचालन किया जा रहा है। इन सभी गौसदनों के संचालन से करसोग बाजार में बेसहारा पशुओं की दर में कमी आई है और उनका सही पालन-पोषण भी हो रहा है। फिर भी अभी चिंडी, चुराग तथा बखरौट सड़क पर बेसहारा पशु खुले आसमान के नीचे जीवन से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं। सड़क के चारों तरफ सफेद बर्फ की चादर फैली है और कंपकंपाती ठंड में ये पशु मात्र एक सूरज की किरण पाने के लिए सड़क की तरफ रुख करते हैं। यह एक ऐसा दृश्य है, जिससे किसी का भी मन विचलित हो सकता है। अतः समाजसेवी लक्ष्य शर्मा ने प्रशासन से गुहार लगाई है की इन पशुओं के संरक्षण के लिए तुरंत ही कोई सफल कदम उठाया जाए। उन्होंने इस क्षेत्र से सटी पंचायतों दछैहण तथा चुराग के प्रतिनिधियों से भी अग्रह किया है कि वह इस संदर्भ में ध्यान दें तथा इससे संबंधित कार्य प्रक्रिया को अमल में लाने का शीघ्र प्रयास करें। उन्होंने विधायक हीरालाल से मांग की है की वर्तमान में चल रहे गौसदनों की क्षमता को बढ़ाने की दिशा मेें कदम उठाया जाए, ताकि बेसहारा पशुओं की बढ़ती दर को कम करने में सभी संस्थाएं अपना योगदान सुनिश्चित कर सकें। मार्क सोशल फाउंडेशन प्रशासन के साथ सदैव कंधे से कंधा मिलाकर समाज सेवा में तत्पर है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। मंडी मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज मंडी जिला में माता बगलामुखी मन्दिर के लिए बनने वाले 800 मीटर लम्बे बगलामुखी रोपवे की आधारशिला रखी। यह रोपवे राज्य का पहला रोपवे है, जिसका निर्माण ग्रामीण क्षेत्रों को रोपवे से जोड़ने के लिए भारत सरकार द्वारा स्वीकृति मिलने के बाद नाबार्ड के वित्तपोषण से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बाखली में लोगांे को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस रोपवे का निर्माण 50 करोड़ रुपये की लागत से एक वर्ष के भीतर किया जाएगा। इस रोपवे का निर्माण मै. डोपेलमायर इण्डिया प्राईवेट लिमिटेड और बेकम इंफ्रा लिमिटेड द्वारा एरियल ट्राम वे-तकनीक और इंजीनियरिंग के सीईएन मानकों और निर्माण आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीपीपी आधार पर रोपवे परियोजनाओं के लिए केन्द्र व राज्य सरकार में 90ः10 के अनुपात की लागत वहन करने के लिए उच्चतर वीजीएफ प्राप्त करने का मामला केन्द्र सरकार के समक्ष उठाया गया है। राज्य सरकार ने केन्द्र को वित्तपोषण के लिए चार रोपवे भी नेशनल हाइवे लाॅजिस्टिक मेनेजमेंट लिमिटेड को भेजे हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से चम्बा जिले के भरमौर से भरमाणी माता मन्दिर तक 120 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रोपवे की डीपीआर तैयार कर ली गई है। इसके अलावा कांगड़ा जिले में 605 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला पालमपुर-थातरी-चैगान, जिला कुल्लू में 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला बिजली महादेव और जिला सिरमौर के शिरगुल महादेव मन्दिर से चूड़धार तक रोपवे शामिल हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि द्रंग क्षेत्र के कांगे्रस नेता विकास के मामले में द्रंग के लोगों को गुमराह कर रहे है। ऐसा लगता है कि कौल सिंह को वर्तमान सरकार द्वारा पिछले चार वर्षों के दौरान किए गए रिकाॅर्ड विकास कार्यों को लेकर भय हो गया है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बाखली में बनने वाले ईको पार्क के कार्य को आगामी माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई राहे नई मंजिले योजना के अन्तर्गत नए पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। लारजी, पौंग डैम और कोल डैम को जलक्रीड़ा गंतव्य, बीड़ बिलिंग को साहसिक खेल गंतव्य और चांसल को शीतकालीन खेल गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी प्रकार जिला मण्डी के जंजैहली क्षेत्र को ईको-पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जा रहा है। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को देश का औद्योगिक हब बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि 2019 में धर्मशाला में ग्लोबल इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाग लिया था। हाल ही में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में मण्डी में दूसरी ग्राउंड बे्रकिंग समारोह आयोजित किया गया, जिसमें 28,197 करोड़ रुपये के 287 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। भारत सरकार ने नालागढ़ में बनने वाले लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत के पहले मेडिकल डिवाइस पार्क को मंजूरी दी है। इस पार्क के लिए भारत सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये का अनुदान उपलब्ध करवाया जाएगा। 500 करोड़ रुपये का अनुमानित पूंजी निवेश होगा और लगभग 10 हजार लोगों को रोज़गार मिलेगा। उन्होंने प्राथमिक पाठशाला बाखली में दो अतिरिक्त कमरों का निर्माण करने की भी घोषणा की।
जोगिन्दरनगर | क्रान्ति सूद उपमंडल के ग्राम पंचायत भराड़ू में हिमाचल शिक्षा समिति द्वारा संचालित बिष्ट राम सुख "सरस्वती विद्या मन्दिर "उच्च विद्यालय भराड़ू में वसंत पंचमी के उपलक्ष में हर वर्ष की भांति हवन-यज्ञ का आयोजन किया| विद्यालय में ज्ञान व विद्या की देवी माँ सरस्वती के जन्मदिवस को हर्षोउल्लाष से मनाया गया| प्रधानाचार्य ने इस दौरान बच्चों को वसंत पंचमी के महत्व को विस्तार से बताया| इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन लाल, विद्यालय के प्रबंध समिति के प्रबंधक अर्जुन सिंह, विनोद शर्मा, प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष अंजू देवी, सदस्या सरिता देवी, अभिभावक गण, भैया-बहिने, आचार्य/दीदियां व अनुराग अपने परिवार सहित विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहें | प्रधानाचार्य मदन लाल ने सभी बच्चों, अभिभावकों व विद्यालय प्रबंध समिति को वसंत पंचमी की बधाई और शुभकामनाएं दी |
अनीता शर्मा। लड़भडोल उपमंडल जोगिंदरनगर की ग्राम पंचायत पीपली के गांव लाडवाण उपरली में आजादी के 75 वर्षों के बाद पहुंची इंडेन गैस की सप्लाई गांव के लोगों ने गैस एजेंसी के ठेकेदार राजकुमार व जोगिंदरनगर विधायक प्रकाश राणा की मीडिया प्रभारी सुभाष राणा का हार पहना कर स्वागत स्वागत किया। मीडिया प्रभारी सुभाष राणा ने कहा कि विधायक प्रकाश राणा ने एक महीना पहले गांव लडवाण का दौरा किया था, जहां पर लोगों ने विधायक के समक्ष यह मांग रखी थी, जिस पर विधायक ने तुरंत कार्रवाई करते लोगों की मांग को पूरा किया तथा आज गांव में गैस की सप्लाई पहुंच गई।
फर्स्ट वर्डिक्ट। मंडी श्री सतगुरु राम सिंह जी के प्रकाश उत्सव पर आज नामधारी संगत मंडी के द्वारा सुबह ही मंडी शहर में नगर कीर्तन का आयोजन किया गया जिसमें नामधारी संगत ने श्रद्धा भाव से सतगुरु के चरणों में अपनी हाजिरी लगाई। बता दें श्री सतगुरु राम सिंह जी को सहस्राब्दी को आकार देने वाले व्यक्तित्वों में से एक के रूप में स्थान दिया गया है। श्री गुरु राम सिंह राजनीतिक स्वतंत्रता को धर्म का अंग मानते थे। उनका स्थायी प्रभाव था जिसने भारत में ब्रिटिश शासन के इतिहास और परिणाम को बदल दिया ।सतगुरु जी के ज्ञान और दार्शनिक दृष्टिकोण ने मानव जाति के लिए योगदान दिया और अपने समकालीनों पर प्रभाव डाला।
फर्स्ट वर्डिक्ट। पधर राजकीय उच्च पाठशाला मैगल, स्कूल प्रबंधन समिति के नवनियुक्त प्रधान श्री मुरारी लाल के कठिन परिश्रम का नतीज़ा है कि आज मैगल स्कूल एसऍमसी को पुरे द्रंग ब्लॉक में प्रथम स्थान हासिल हुआ है | मुरारी लाल ने इस स्कूल की दशा ही बदल दी है, मैगल स्कूल के मुख्यध्यापक नानक चंद ने कहा कि जिस तरह का कार्य हमारे स्कूल प्रबंधन समिति ने किया है स्कूल के लिए उस तरह तो पुरे जिले में ही नहीं अपितु पुरे प्रदेश में कहीं पर नहीं हुआ है | पहले स्कूल की हालत बहुत दयनीय थी श्री मुरारी लाल जी ने अपनी टीम के साथ खुद के पैसे इकठे करके स्कूल का नवीनीकरण किया जो कि मुझे नहीं लगता है की इस तरह का कार्य आज तक किसी एस.ऍम.सी प्रधान ने किया होगा | श्री मुरारी लाल ने बताया कि हमारे स्कूल जब तक ठीक नहीं होंगे तब तक हमारे बच्चे अच्छी शिक्षा ग्रहण नहीं कर सकते हैं, हमने मिलकर मेहनत की और आज उसी का नतीजा है कि हमारी स्कूल प्रबंधन समिति पुरे द्रंग खंड में प्रथम आयी और मुझे पूर्ण विश्वास है कि अब हम जिला स्तर पर भी प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे |
फर्स्ट वर्डिक्ट। नेरचौक अभिलाषी शिक्षण संस्थान नेरचौक में ‘विश्व कैंसर दिवस’ के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एंव अस्पताल नेरचौक के कैंसर विज्ञान विभाग से कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ. मृणालिनी उपाध्याय ने बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। उन्होंने बीएड व डीएलएड के प्रशिक्षु अध्यापकों को कैंसर व इसकी रोकथाम संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कैंसर की बिमारी कई कारणों से होती है। उन्होंने कहा कि लाईफ स्टाईल, खानपान और एक्सरसाइज के ध्यान के साथ-साथ तनाव रहित जीवन जीना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हिमाचल में करीब अढ़ाई हजार और मंडी जिला मे करीब 600 कैंसर के केस रजिट्रड किए गए हैं। उन्होंने बताया कि धूम्रपान और चूल्हे के धुएं से भी कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने छात्रों को कैंसर पीड़ित लोगों की मदद करने के लिए भी प्रेरित किया। इससे पहले संस्थान की प्रिसींपल सपना गोयल और टीचरों ने डॉ. मृणालिनी उप्पाध्याय का शाल, टोपी और स्मृति चिन्ह से स्वागत और सम्मान किया। संस्था के चेयरमैन डॉ. आरके अभिलाषी और प्रिसींपल डॉ. नर्बदा अभिलाषी इस कार्यक्रम मे वर्चुअली जुड़े। डॉ. आरके अभिलाषी ने प्रशिक्षु अध्यापकों से इस जानकारी को जन साधारण तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अभिलाषी शिक्षण संस्थान हमेशा ही जन जागरूकता के लिए इस तरह के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रयासरत रहता है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। मंडी अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेला मंडी-2022 को देव परंपरा के अनुरूप पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने शुक्रवार को मंडी में आयोजन की आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कोविड 19 की चुनौती के मद्देनजर मेले के आयोजन को लेकर बहुस्तरीय योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जलेब समेत सभी आयोजनों में कोविड प्रोटोकॉल के अनुरूप व्यवस्था करने को कहा। इस दौरान महेंद्र सिंह ठाकुर ने महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर जनता से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने आग्रह किया कि लोग मेले में अपना योगदान तय बनाएं और ये सोचें कि वे इसे और बेहतर बनाने में क्या सहयोग दे सकते हैं। 2, 5 और 8 मार्च को निकलेगी जलेब 2 से 8 मार्च तक मनाए जाने वाले इस मेले का शुभारम्भ मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर करेंगे। वे 2 मार्च को प्रथम जलेब की अगवानी करेंगे। मध्य जलेब 5 मार्च को निकाली जाएगी। तीसरी और अन्तिम जलेब में 8 मार्च को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर शामिल होंगे। बैठक में आए सुझावों के दृष्टिगत महेंद्र सिंह ठाकुर ने इस बार सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन पड्डल की बजाय सेरी मंच पर करने के विकल्प पर भी विचार करने को कहा। जल शक्ति मंत्री ने महोत्सव में लोक संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया और सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली कलाकारों को अधिक अवसर प्रदान करने को कहा। लकीर के फकीर न बनें, बेहतर बदलावों के लिए नया सोचें जल शक्ति मंत्री ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए बेहतर बदलावों के लिए नई सोच के साथ आगे बढ़ने को कहा। उन्होंने कहा कि लकीर के फकीर न बनें, मेले में बेहतर बदलावों के लिए नया सोचें। देव समाज के मान सम्मान पर बल महेंद्र सिंह ठाकुर ने अधिकारियों को मेले में पधारने वाले देवी देवताओं, देवलुओं, कारदारों को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। शिवरात्रि मेला देवी देवताओं का मेला है। इसमें आने वाले देव समाज का पूरा मान सम्मान सुनिश्चित करें उनके आदर-सत्कार, ठहरने, राशन और अलाव के लिए पर्याप्त लकड़ी सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद हों। उन्होंने कहा कि वे देवताओं व देवलुओं को दी जाने वाली निधि में वृद्धि को लेकर मुख्यमंत्री को देव समाज के भावों से अवगत कराएंगे। निश्चित ही देव समाज के हितों के अनुरूप सुविधाएं बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। जिला राजस्व अधिकारी राजीव सांख्यान ने बताया कि प्रशासन की ओर से पंजीकृत 216 देवी देवताओं को मेले के लिए आमंत्रित किया जाता है और इनमें से अमूमन 190 देवी देवता मेले के लिए आते हैं। खेल प्रतियोगिताओं के और बेहतर आयोजन महेंद्र सिंह ठाकुर ने मेले में होने वाली खेल प्रतियोगिताओं के और बेहतर आयोजन पर बल दिया। बैठक में अन्य खेलों के साथ विशेषतौर पर वॉलीबॉल प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देकर प्रमुखता से आयोजित कराने का निर्णय लिया गया। मंत्री ने पड्डल में लगाई जाने वाली विभागों की विकास प्रदर्शनी को लेकर भी निर्देश दिए। सरस मेले की तर्ज पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल पड्डल में लगाने की व्यवस्था को भी कहा। मंडी शिवरात्रि मेले के सफर को दर्शाती फोटो प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने बैठक में बताया कि मेले के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न उप समितियां गठित की गई हैं। सभी के सहयोग से मेले को अद्वितीय स्वरूप दिया जाएगा। मेले में लोगों को मास्क पहने रखने को प्रोत्साहित किया जाएगा और प्रशासन स्वयंसेवियों के जरिये लोगों को मास्क मुहैया भी कराएगा। मंडी शिवरात्रि मेले के सफर को दर्शाती फोटो प्रदर्शनी लोगों के लिए एक बड़ा आकर्षण होगी। इसमें शिवरात्रि मेले के आयोजन की पिछले 50 सालों की यात्रा को चित्रों के जरिए दिखाया जाएगा।
गांववासियों में खुशी का माहौल, जताया विधायक प्रकाश राणा का आभार क्रान्ति सूद। जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत पिपली में नए मिले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिससे पंचायत वासियों में ख़ुशी का माहौल बना है। बता दें हाल ही में कैबिनेट की बैठक में ग्राम पंचायत पिपली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी मिल गयी थी। आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए डॉक्टर के तैनाती के आदेश भी जारी हो गए हैं। डॉ.रेखा यादव जो कि उपमण्डल पधर के गांव रोपी डाकघर गवाली की रहने वाली है और बतौर चिक्त्सिक अपनी सेवाएं देंगी। ग्राम पंचायत पिपली के प्रधान इन्द्र सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए गांव कुराटी में भवन का इंतजाम कर लिया है। उधर, पंचायत प्रधान इंद्र सिंह ठाकुर, उपप्रधान पवन ठाकुर, जिला परिषद् विजय भाटिया, पंचायत समिति सदस्य अंजू देवी, वार्ड सदस्यों, मिडिया प्रभारी सुभाष राणा व महिला मंडलों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में महिला डॉक्टर की तैनाती होने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व क्षेत्र के विधायक प्रकाश राणा का धन्यवाद व आभार व्यक्त किया है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। मंडी जिला मंडी के उपमंडल सुंदरनगर के तहत निहरी तहसील में एक भयंकर कार हादसा हुआ है। कार करीब 500 फीट गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें तीन लोग एक ही गांव से संबंधित हैं। हादसा बुधवार देर रात हुआ है। शवों की शिनाख्त 33 वर्षीय बुद्धि सिंह पुत्र रोशन लाल निवासी पन्यारी, 37 वर्षीय हेमराज निवासी पन्यारी, 37 वर्षीय हैप्पी पुत्र गोविंद राम निवासी पन्यारी, 33 वर्षीय यादव पुत्र दिलु राम निवासी घेरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों डिजायर गाड़ी (एचपी-31सी-9559) में सवार होकर पन्यारी की ओर जा रहे थे कि आडीधार के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर 500 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही निहरी चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। गाड़ी के पास जाकर देखा तो गाड़ी में सवार चारों लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी। गाड़ी के काफी गहरी खाई में गिरे होने और रात होने के कारण शवों को निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। चारों के शव गाड़ी के आसपास बाहर ही गिरे थे। चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। कार के काफी नीचे गिरने के कारण शवों को निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
क्रान्ति सूद। जोगिंद्रनगर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या की छात्रा पल्लवी का चयन इंजिनियरिंग के लिए हुआ है। पल्लवी एनआईटी हमीरपुर से अपनी पढ़ाई पूरी करेंगी। पल्लवी के पिता चन्द्रमणी विज्ञान स्नातक पद पर करसोग में तैनात हैं। वहीं, उनकी माता नित्रा ठाकुर पाठशाला गृहणी हैं। पाठशाला प्रधानाचार्य डा. सुनील ठाकुर ने पल्लवी, उसके माता-पिता एवं उसे पढ़ाने वाले सभी अध्यापको, प्राध्यापकों को मुबारिकबाद दी है। एसएमसी प्रधान सुनील कुमार ने की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया व पल्लवी एवं स्कूल के सदस्यों को बधाई दी व पल्लवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिन्द्र नगर से शिक्षा प्राप्त वंशिका प्रभाकर एवं मोनिका का एमबीबीएस में चयन होने से पाठशाला की छात्राओं व अध्यापको के साथ-साथ क्षेत्र वासियों में खुशी की लहर है। इन दोनों बेटियों ने अथक परिश्रम से सफलता हासिल की है। वंशिका प्रभाकर का चयन इंदिरा गाँधी मैडीकल कालेज शिमला के लिए हुआ है। वंशिका के पिता पुनीत प्रभाकर जीव विज्ञान के प्रवक्ता हैं जो कि आजकल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लाँगणा में कार्यरत हैं, इनकी माता भाषा अध्यापिका हैं जो कि उच्च पाठशाला मझारनु में कार्यरत हैं। मोनिका का चयन डा. राधा कृष्णन मैडीकल कॉलेज हमीरपुर के लिए हुआ है। मोनिका के पिता हेम सिंह बद्दी में प्राइवेट जॉब करते हैं एवं माता भीमा देवी अपने गाँव सुधार में ही गृहिणी का कार्य करती हैं। प्रधानाचार्य डॉ सुनील ठाकुर ने दोनों बेटियों, इनके अभिभावको, इन्हें पढ़ाने वाले अध्यापकों व समस्त स्टाफ एवं स्कूल में पढ़ रही सभी बेटियों की तरफ से बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। एसएस प्रधान सुनील कुमार एवं समस्त कार्यकारिणी ने, बेटियों सहित सभी स्टाफ सदस्यों को बधाई दी है।
ग्राम पंचायत रोपड़ी कलैहडू में गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में यूथ क्लब रोपड़ी द्वारा चल रही क्रिकेट ट्राफी मंगलवार को संपन हो गई। समापन समारोह में जिप सदस्य नेरघरवासड़ा विजय भाटिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस क्रिकेट टूर्नामैंट में 16 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मैच जिमजिमा व सिकन्दर धार टीम के बीच हुआ, जिसमें जिमजिमा की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया। बता दें कि विजेता टीम को 21,000 व उपविजेता सिकंदर धार कदरधार की टीम को 11,000 व ट्राफी दी गई। मैन आफ द सीरीज का खिताब हैपी को दिया गया, वहीं मैन आफॅ द मैच का खिताब अरूण को दिया गया। इससे पहले पंचायत प्रधान अजय बरवाल, युवा सदस्यों, महिला मंडल सदस्यों व अन्य वरिष्ठ लोगों ने जिप सदस्य नेरघरवासड़ा विजय भाटिया का स्वागत किया। विजय भाटिया ने आयोजकों को अपनी ओर से 3000 रूपए दिए, साथ ही स्कूल मैदान के उत्थान के लिए जिप निधि से 50,000 रूपए व यूथ क्लब रोपड़ी को खेल सामग्री खरीदने के लिए अपनी निधि से 10,000 रूपए देने की घोषणा की।
नगर परिषद जोगिन्दर नगर की जनता को स्थानीय विधायक की शह पर उपमंडलाधिकारी नागरिक जोगिन्दर नगर जिन के पास नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व है के माध्यम से बिजली पानी के काटने के गैर कानूनी नोटिस दे कर डराया- धमकाया जा रहा है। जिसके खिलाफ शिघ्र ही आम नागरिकों की ओर से न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी। यह बात नप उपाध्यक्ष अजय धरवाल ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि कार्यकारी अधिकारी के तौर पर डोर टू डोर गार्बेज कलेक्शन, डिस्पोजल बाई लॉज़ 2018 के अंतर्गत बिजली पानी काटने के नोटिस दिए जा रहे हैं। इस प्रकार के नगर परिषद जोगिंदर नगर के सन्दर्भ में कोई भी कानून राज्यपाल के द्वारा राजपत्र के माध्यम से अधिसूचित नहीं किया गया है। आज तक गैर कानूनी तौर पर आम जनता से घर घर से कूड़ा उठाने के लाखों रुपये वसूलने का गैर कानूनी कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब से नगर परिषद क्षेत्र से लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को बढ़त मिली है तब से ही विधायक के द्वारा अधिकारियों के माध्यम से जनता को प्रताड़ित करने के लिए आये दिन नए नए गैर कानूनी हथकंडें अपनाये जा रहे हैं। आज स्थिति यह है कि सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, सरकारी आवासीय कॉलोनियों, लघु सचिवालय में स्थित दर्जनों कार्यालयों को तो कोई नोटिस नहीं दिए जा रहे, जबकि आम नागरिकों को प्रतिदिन गैर कानूनी बिजली पानी काटने के नोटिस दियें जा रहे हैं। नगर परिषद क्षेत्र में आम नागरिकों के लिए अलग कानून व सरकारी कार्यालयो, सरकारी आवासीय कॉलोनियों के लिए अलग कानून अपनाएं जा रहे हैं, जिससे जोगिन्दर नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली जग जाहिर हो जाती है। उन्होंने कहा कि जोगिन्दर नगर का प्रशासन यहीं नहीं रुक रहा, जहां आम जनता को गृह निर्माण करने पर टी सी पी एक्ट के अंतर्गत निर्माण कार्य रोकने के लिए नोटिस थमाए जा रहे हैं, वहीं जिस लघु सचिवालय में उपमंडलाधिकारी नागरिक स्वयं बैठते हैं तथा जिस का निर्माण कार्य बिना नक्शा पास किये चल रहा है, उस इमारत में बिजली पानी सब लगा हुआ है, इस इमारत में बिजली पानी कैसे लगाया गया, वे इस बात का जवाब दें। धरवाल ने कहा कि उपमंडलाधिकारी नागरिक क्या लघु सचिवालय का बिजली पानी भी कटवाने का नोटिस जारी करेंगे। इसी प्रकार बिना नक्शा पास करवाये महाविद्यालय जोगिन्दर नगर का ऑडिटोरियम बन रहा है। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या का साइंस ब्लॉक बिना नक्शा पास किये बन गया और वहां बिजली पानी भी लग गया। लोक निर्माण विभाग के अधिषाषी अभियंता व अधीक्षण अभियंता के निवास भी बिना नक्शा पास बन गए। वहाँ भी बिजली पानी लग गया है। लोक निर्माण विभाग की आवासीय कॉलोनी भी बिना नक्शा पास करवाये बन गई व वहां भी बिजली पानी लग गया। आम नागरिकों के लिए व प्रशासन स्वयं के लिए एक ही कानून को अलग अलग तरीके से लागू कर रहा है। धरवाल ने कहा कि उपमंडलाधिकारी नागरिक जिन के पास नप कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व है, आम नागरिकों के बिजली पानी कनेक्शन काटने से पहले अपने गैर कानूनी बिना नक्शा पास करवाये निर्मित कार्यालय का बिजली पानी का कनेक्शन कटवाएं। उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ ये भेद भाव सहन नहीं किया जाएगा।
प्रदेश की जयराम सरकार में अब उनके नेता और कार्यकर्ता उनके नियंत्रण से बाहर होते जा रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि प्रदेश में सरकार व प्रशासन नाम की कोई चीज नहीं और न ही उनके छोटे और बड़े नेताओं को इस नेतृत्व से कोई फर्क पड़ने वाला है। यह बात प्रदेश कांग्रेस सचिव एवं दरंग विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राकेश चौहान ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि कुल्लू में कुछ महीने पहले एसपी कुल्लू के साथ मुख्यमंत्री के सामने ही किस तरह लात घूस्से चले और उसके बाद उन्हीं के सरकार के मंत्री रामलाल मारकंडे के कार्यक्रम में भी इसी तरह की अशोभनीय हरकतें देखी गई। उन्होंने कहा कि सुंदर नगर के विधायक राकेश जमवाल मुख्यमंत्री की वाह वाही करते करते भूल चुके कि हिमाचल प्रदेश के निर्माता और हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ.वाई स परमार और आधुनिक हिमाचल के निर्माता राजा वीरभद्र सिंह जिनका हिमाचल प्रदेश की प्रगति और उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता सत्ता के नशे में यह सब कुछ भूल गए हैं। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री की लोकप्रियता का ताजा उदाहरण अभी हाल ही में लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों में प्रदेश की जनता ने दे दिया है। प्रदेश में जब भी कोई सरकार सत्तासीन होती है तो जनता को विश्वास होता है कि प्रदेश को एक अच्छा नेतृत्व और उनकी आकांक्षाओं के अनुरूप शासन मिले।
जोगिंदरनगर के विधायक प्रकाश राणा ने सोमवार को जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के निवास स्थान धर्मपुर में पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी और उनकी दीर्घायु की कामना की। विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में जोगिंदरनगर का चौमुखी विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि जोगिंदर नगर में जल शक्ति विभाग के माध्यम से लगभग 378 करोड रुपए की राशि विभिन्न पेयजल व सिंचाई योजनाओं पर व्यय की जा रही है। इसके अलावा जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत 15 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है,जिन पर लगभग 107 करोड रुपए की राशि में हो रही है। पेयजल योजनाओं की सभी पुरानी पाइपों को बदलकर नई पाइपों को बिछाने का कार्य इन दिनों प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में पानी की कमी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद व कैबिनेट मंत्री के सहयोग से वर्षों से लंबित जलशक्ति विभाग के डिवीज़न की मांग पूरी हुई व चौंतड़ा में जल शक्ति विभाग का डिवीजन बना। इससे पहले लोगों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। अब उनके सहयोग से तत्काल पानी से संबंधित समस्याओं का निदान हो रहा है। हर क्षेत्र हर गांव में पेयजल योजनाओं का लाभ लोगों को दिया जा रहा है। दूसरी तरफ वहीं बागवानी क्षेत्र में भी महेंद्र सिंह ठाकुर का अतुल्य सहयोग रहा है। बागवानी क्षेत्र से जुड़े किसानों को जोगिंद्रनगर क्षेत्र में लाभ मिल रहा है। किसानों के लिए भी कई तरह की योजनाओं का शुभारंभ किया गया है। जिसमें शिवा प्रोजेक्ट से जुड़ने वाले किसान अच्छी आमदनी ले रहे हैं।
माइंड ऑपरेशन अकादमी जोगिंदरनगर के निदेशक रामप्रकाश ठाकुर ने कहा कि मेडिटेशन हर इंसान दो तरीके से करता है, एक एक्टिव और दूसरी पैसिव एक्टिव मेडिटेशन। एक्टिव मेडिटेशन उसे कहते है जब हम किसी काम को बाहरी तोर पर करते हैं। उन्होंने कहा कि जब हम रोजमर्रा के जीवन में किसी काम को एक ही जगह रहकर करते हैं चाहे वह खाना-खाना हो, चाहे वह रास्ते पर चलना हो, चाहे वह कपड़े धोना हो, चाहे वह पढ़ाई करना हो या फिर वह अन्य किसी प्रकार की गतिविधि करना हो। उन्होंने कहा कि जब हम मानसिक और शारीरिक रूप से एक जगह पर रहते हैं उसको एक्टिव मेडिटेशन कहा जाता है। उन्होंने कहा कि पैसिव मेडिटेशन आंतरिक होती है इसके लिए आंखें बंद करनी पड़ती है। इस मेडिटेशन को करने के तरीके अलग-अलग हैं। कुछ लोग ध्यान लगाते हैं। कुछ लोग मानसिक चित्रण देखते हैं, कुछ लोग अपने इष्ट को देखते हैं, कुछ लोग अपने माथे के बीच में ध्यान लगाते हैं तो कुछ लोग संवेदना को देखते हैं। उन्होंने कहा कि पैसिव मेडिटेशन को करने के बहुत सारे तरीके होते हैं। पर सवाल यह है कि कौन से तरीके से मेडिटेशन की जाए, जिससे हमारे मानसिक और अध्यात्मिक जीवन का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि जो मेडिटेशन सिर्फ इंसानियत धर्म को सिखाती हो उसके लिए सबसे पहले बाहरी और आंतरिक तौर पर जो भी कार्य हम कर रहे हैं उन कार्य को करते समय हमें हर क्षण जागरुक रहने की जरुरत है। जैसे-जैसे हमारा जागरुकता का स्तर बढ़ेगा वैसे वैसे हम मेडिटेशन को जानना शुरु कर सकते हैं। राम प्रकाश ने बताया कि जागरूकता ही मेडिटेशन का आधार है। जागरुक कैसे रहते हैं यह सीखना भी बहुत जरुरी है। जब हम प्रेक्टिकल रूप से मेडिटेशन को करेंगे, तभी हम मेडिटेशन की असलियत को जान सकते हैं। अकादमी के निदेशक रामप्रकाश ठाकुर ने कहा मेडिटेशन सीखना हर बच्चे युवा और बुजुर्ग को बहुत जरुरी है, जिससे हम इस दुनिया में आने का और अपने जीवन का असली उद्देश्य जान सकते हैं। उन्होंने बताया कि कोरोना समय में सुबह 5:00 बजे से 6:00 बजे तक सैंकडों लोगों ने ऑनलाइन ज़ूम ऐप के माध्यम से मेडीटेशन का फायदा लिया है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ज़ूम ऐप के माध्यम से एक बार फिर से मेडीटेशन कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, ताकि लोगों को इससे फायदा मिल सके।
महामहिम राज्यपाल के सानिध्य में रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा सेवा भारती हिमाचल प्रदेश को 800 कंबल दिये गए। जिनको 26 स्थानों पर वितरित करने की योजना बनी है। सेवा भारती कई दशकों से देशभर में कार्य कर रही है। उसी प्रकार हिमाचल में भी पिछले लगभग तीन दशक से सेवा भारती निरंतर कार्यरत है। इसके द्वारा हिमाचल भर में सिलाई केंद्र, संस्कार केंद्र, छात्रावास, अस्पतालों में बिस्तर व अन्य सुविधाएं, अग्नि कांड प्रभावित परिवारों को सहायता, रोगी वाहन, शव वाहन, समाज के निर्धन वर्ग में गंभीर बीमारियों के लिए आर्थिक सहायता, एक अस्पताल कुल्लू के घुड़दौड़ स्थान पर चलाया जा रहा है। इस प्रकार के अनेक कार्य सेवा भारती द्वारा हिमाचल प्रदेश में चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को जोगिंदर नगर के विभिन्न स्थानों में 30 कंबल वितरित किए गए। जिसमें हराबाग, जोगिंदर नगर के समलोट व रडा भखेड़ में ये कंबल वितरण किया गया। सेवा भारती जिला जोगिंदर नगर प्रमुख ज्ञान व नगर प्रमुख अभिनव ने बताया कि सेवा भारती हिमाचल प्रदेश की प्रांत इकाई महामहिम राज्यपाल व रेड क्रॉस सोसाइटी का हार्दिक धन्यवाद करती हैं की उनके द्वारा जिला जोगिंदर नगर की समस्त कार्यकारिणी पर विश्वास जताया और आशा करते हैं कि आगे भी इस प्रकार सेवा भारती को उनका आशीर्वाद मिलता रहेगा।
हिमाचल प्रदेश में जब से भाजपा एवं जयराम सरकार सत्तासीन हुई है, प्रदेश का हर वर्ग लगातार प्रताड़ना का शिकार होता जा रहा है। यह बात प्रदेश कांग्रेस सचिव व द्रंग विधानसभा क्षेत्र प्रभारी राकेश चौहान ने जारी ब्यान में कही। उन्होंने कहा कि यह इस प्रदेश का दुर्भाग्य है कि शायद इस तरह का नेतृत्व प्रदेश को पहले कभी मिला हो। हिमाचल प्रदेश में यह पहली बार देखने को मिल रहा है कि देश और प्रदेश की जनता को सुरक्षा कवच देने वालों को आज अपनी और अपने परिवार की कई तरह की सुरक्षा के लिए आर्थिक और सामाजिक तौर पर चिंतित होना पड़ रहा हैै। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार द्वारा कर्मचारी विरोधी निर्णय लेने के चलते आज पुलिस के नौजवान सरकार के सामने खड़े होकर अपने साथ हो रहे अन्याय और प्रताड़ना के चलते अपने हितों की लड़ाई के लिए मजबूर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि इन चार सालों में प्रदेश के हर वर्ग की बात करें तो उन्हें सिर्फ़ प्रताड़ना ही हाथ लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से जानना चाहती है कि प्रदेश और प्रदेश की जनता को सुरक्षा प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण वर्ग अपने व अपने परिवार को असुरक्षित क्यों मान रहा है।
करसोग में नशे के कारोबरियों के उपर अब पुलिस ने नकेल कसनी शुरु कर दी है। इसी के चलते बुधवार को करसोग में एसआईयू की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यहां बुधवार को गश्त के दौरान एसआईयू की टीम ने 5 किलो 554 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक एसआईयू की टीम ने करसोग के कोटलु के समीप नांज कैंची में एक 51 वर्षीय व्यक्ति से 5 किलो 554 ग्राम चरस बरामद की। आरोपी का नाम ओम प्रकाश बताया जा रहा है, जो गांव मलोग डाकघर सराहन का रहना वाला है। ओम प्रकाश पेशे से एक सरकारी स्कूल में क्लर्क के पद पर तैनात बताया गया है। एसआईयू की टीम कोटलु में गश्त पर थी। उसी समय एक व्यक्ति नांज की ओर जा रहा था। एसआईयू की टीम ने व्यक्ति को रोकने का इशारा किया तो वह हड़बड़ा गया, जिस पर एसआईयू की टीम को शक हुआ और व्यक्ति को रोक कर उसके बैग की तलाशी ली। इस दौरान आरोपी के पास से एक चरस की बड़ी खेप पकड़ी गई। एसआईयू मंडी टीम के इंस्पेक्टर देशराज के नेतृत्व में यह कामयाबी हासिल की है। डीएसपी करसोग गीताजंलि ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एसआईयू मंडी की टीम ने गश्त के दौरान नांज कैंची कोटलु के समीप एक व्यक्ति से यह चरस बरामद की है। पुलिस एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज कर अभियुक्त को हिरासत में ले लिया है व आगामी कार्रवाई जारी है।
उपमंडल जोगिंदरनगर के सुजा गांव में 10 दिनों के बाद बीइंग हुमन प्रोडक्शन के बैनर तले बनने जा रही हिंदी वेब सीरीज की शूटिंग शुरू होने जा रही है। जिसके दृश्य सुजा, बीड़, सुखबाग और चौंतडा़ के आसपास क्षेत्रों में फिल्माए जाएंगे और इस वेब सीरीज में हिमाचली और स्थानीय कलाकारों को मौका दिया जाएगा। इस वेब सीरीज का लेखन कार्य गगन सिंह द्वारा किया गया है। जानकारी देते हुए डायरेक्टर राही कृतंहस, प्रोड्यूसर करण गुप्ता और अमर डोगरा ने बताया कि इस वेब सीरीज का मुख्य उद्देश्य समाज में फैली हुई कुरीतियों के प्रति समाज को जागरूक करना है। उन्होंने कहा इससे पहले भी उनके द्वारा इस तरह के कई गाने और वेब सीरीज बनाई गई हैं। इसके साथ ही हिमाचली कलाकारों को बढ़ावा देना व छुपी हुई प्रतिभा को निखारने का भी उनका मुख्य लक्ष्य है। वेबसीरीज में विशेष तौर से हिमाचली मीनी गुरदास मान के नाम से कहे जाने वाले बैजनाथ से गायक बब्बी मान द्वारा अपने आवाज का रंग बिखेरा जाएगा। मुख्य किरदार के रूप में अभिनेत्री कंचन राय नजर आएंगी। इनके साथ ही कास्ट में अमर डोगरा, अभिनय चंदन और सनी कालरा रहेंगे। वहीं रोशन चौधरी, शिव वालिया, दीपिका शर्मा किरदार निभाएंगे। दूसरी तरफ वहीं हिमाचली कलाकारों के लिए ऑडिशन की तारीख जल्द ही निर्धारित की जाएगी।
जिला मंडी में शराब पीने से चार लोगों की संदिग्ध हालत में मौत होने का मामला पेश आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुंदरनगर के स्लापड में शराब के सेवन के बाद चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वंही मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जहरीली शराब के सेवन से इनकी मौत हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिए हैं। इन्होंने शराब के साथ किस खाद्य पदार्थ का सेवन किया था, इसकी भी जांच की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण का पता लग पाएगा। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पिछले कई दिनों से सलापड़ क्षेत्र में चोरी छिपे चंडीगढ़ से शराब लाकर बेची जा रही थी। इन्होंने इसी शराब का सेवन किया था। बताया जा रहा है क्षेत्र में इस शराब की मांग ज्यादा हो गई थी, इससे ज्यादा नशा होने की बात कही जा रही है।
जोगिंद्रनगर : चौहारघाटी के थलटूखोड़ के धमचयान गांव में कार के गहरी खाई में लुढ़कने से महिला की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालात में टांडा रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार धमचयान गांव में यह हादसा पेश आया है। हादसे में सवारी देवी उम्र 62 वर्ष को गंभीर हालात में जोगिंद्रनगर अस्पताल लाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अन्य व्यक्ति राकेश कुमार को टांडा मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। इस हादसे में पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जोगिन्द्रनगर : दी विशाल हिमाचल प्रदेश पुलिस एनजीओ ग्रेड वन ग्रेड टू एसोशिएशन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व हाल ही में सेवानिवृत डीएसपी ज्ञान चंद ठाकुर ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि प्रदेश के पुलिस जवानों के साथ वेतन सम्बिंध विसंगितियों को दूर नहीं किया गया तो इसके नतीजे सरकार को भुगतने पडेगें। आज पुलिस का जवान हताश है सरकार ने जवानों के साथ न्याय नहीं किया तो 26 जनवरी को आयोजित होने वाली परेड में काले बिल्ले लगा सकते है। उहोनें यह बातें जोगिद्रनगर में आयोजित प्रैस वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही। ठाकुर ने कहा कि वह प्रदेश के जवानों के साथ खडे है तथा नौबत पड़ी तो उनके लिये भूख हड़ताल करने से भी पीछे नहीं हटेंगें। पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस का जवान 24 घंटें डयुटी पर तैनात रहता है। हर परिस्थिति में वह काम करता है प्रदेश के दुगर्म इलाकों में डयुटी हो या मैदानी इलाकों में अपनी डयुटी का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करता है। आपातकाल में अपनी सेवाऐं देता है। लेकिन जब उसके हितों की बात आती है तो सरकार उससे कन्नी काट लेती है उसका शाोषण किया जाता है। उन्होनें मानवा अधिकार आयोग से आग्रह किया है वह इसका संज्ञान ले। उन्होनें कहा कि पंजाब में 6 पे कमीशन भी जारी कर दिया गया लेकिन प्रदेश में इसे तोड़ मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। उन्होनें प्रदेश के जवानों को 15 प्रतिशत हाईक प्रदान करने या विकल्प के तौर पर सुविधा प्रदान करने की मांग की है।
प्रदेश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप के दृष्टिगत प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक समारोह एवं मेले व त्योहारों पर लोगों के एकत्र होने पर बंदिशे लगाई गई है। वहीं मकरसक्राति के चलते ततापानी में कुछ व्यपारियो द्वारा गर्मपानी के चश्मो के आसपास अस्थाई दुकाने लगाई गई थी जिसे वीरवार को प्रशासन द्वारा हटा दिया गया है ताकि भीड़भाड़ न हो और कोविड़ संक्रमण का खतरा न बने। वंही इस दौरान प्रशासन ने अपील की है कि इस महामारी से बचाव के लिये तत्तापानी मे मकर सक्रांति के दौरान स्नान व तुलादान इत्यादि हेतु अनावश्यक भीड़ के सहभागी न बनें। एसडीएम करसोग सनी शर्मा ने जानकारी देते हुये बताया कि सरकार की गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करवाने के लिए उड़न दस्ते का गठन किया गया है, जो सम्पूर्ण गतिविधियों पर नज़र रखेगा तथा इसके बावजूद भी यदि कोई नियमों की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ कोविड-19 संक्रमण के चलते दुकानों के खुलने व बंद होने के समय निर्धारण को लेकर बैठक आयोजित की। बैठक में विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा अपने अहम सुझाव जोगिन्दर नगर प्रशासन को दिए। इस बात की पुष्टि करते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जोगिन्दर नगर उपमंडल में कोविड-19 संक्रमण को देखते हुए दुकानों के खुलने व बंद होने के समय को लेकर विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में समय निर्धारण को लेकर उपस्थित प्रतिनिधियों ने प्रशासन हो अहम सुझाव दिये हैं, जिस बारे जिला प्रशासन को अवगत करवाया जाएगा। उन्होने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ही दुकानों के खुलने व बंद करने का समय निर्धारित किया जाएगा। बैठक में कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बात पर भी सहमति बनी कि प्रत्येक मंगलवार व बुधवार को जोगिन्दर नगर, चौंतड़ा व लडभड़ोल बाजारों में कोरोना के रैंडम सैंप्लस लिये जाएंगे। इसके अलावा सभी व्यापार मंडलों व संघों के प्रतिनिधियों से कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिये कोरोना अनुरूप व्यवहार को कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित बनाने तथा इस बारे ग्राहको को भी अपने स्तर जागरूक करने का आग्रह किया गया। सभी प्रतिनिधियों ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम में स्थानीय प्रशासन को अपना पूरा सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिया
रोटरी क्लब की आर्धमासिक बैठक क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन डॉक्टर भाग चंद ठाकुर की अध्यक्षता में क्लब के दफ्तर में संपन हुई। सबसे पहले रोटरी क्लब परिवार में राकेश चंद ठाकुर (सेवानिवृत प्रशासनिक अधिकारी चंडीगढ़), अनिल कुमार शर्मा ( सेवानिवृत अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड) और अश्वनी सोनी (अंशदीप होटल के मालिक) का शामिल होने पर हार्दिक अभिनंदन किया गया और उम्मीद की गयी कि नए सदस्य भी लोगो की सेवा में अपना तन मन धन लगाए। बैठक में आई. टी.आई. डोहग में मेडिकल कैंप लगाने के लिए फैसला लिया गया । इस कैंप की जिम्मेवारी रोटेरियन डॉक्टर अनिल चौहान को दी गई, बैठक में रोटरीन अमर सिंह जसवाल को रोटरी वर्ष 2024-25 के लिए रोटरी क्लब का अध्यक्ष चुना गया। इस बैठक में रोटेरियन रमेश कुमार पठानिया( सचिव), अजय ठाकुर, डॉक्टर अनिल चौहान, मेजर ज्ञान चंद बरवाल, एन.आर. बरवाल, राज ठाकुर, डॉक्टर चंदर भूषण शर्मा, डॉक्टर शशि कुमार सकलानी, कर्म चंद ठाकुर अनिल कुमार शर्मा, अमर सिंह जसवाल शामिल हुए।
शिवा फार्मेसी संस्थान गांव लुहनू डाकखाना चांदपुर जिला बिलासपुर के फार्मेसी डिप्लोमा के 35 छात्र- छात्राओं ने तीन फैकल्टी सदस्यों सहित अनुसंधान संस्थान आईएसएम जोगिंदर नगर स्थित हर्बल गार्डन का भ्रमण किया। प्रभारी अनुसंधान संस्थान एवं परियोजना अधिकारी उज्जवल दीप ने बताया कि इस दौरान वनस्पतिज्ञ मदनलाल द्वारा इन छात्रों को हर्बल गार्डन का पूर्ण भ्रमण करवाया गया, जिसमें यहां पर स्थापित औषधीय पौधों की पहचान करवाई गई और इनके उपयोग से परिचय करवाया गया। इसके अतिरिक्त छात्र- छात्राओं को औषधीय पौध संग्रहालय का भी भ्रमण करवाया गया। जिसमें रखी गई लगभग 500 पौध प्रजातियों के रखरखाव व संरक्षण बारे जानकारी प्रदान दी गई । उज्जवल दीप ने बताया कि यह भ्रमण इन छात्रों के लिए अति उपयोगी व संतोषजनक रहा।
धर्मपुर विधानसभा के युवा नेता जितेंद्र ठाकुर को राहुल गांधी की राष्ट्रीय टीम से बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें पंजाब में हो रहे विधानसभा चुनावो में जालंधर की सेंट्रल विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि जितेंद्र ठाकुर ने राजनीति की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी, उसके उपरांत उन्होंने धर्मपुर विधानसभा में भी काम किया। धर्मपुर विधानसभा के पूर्व में अध्यक्ष भी रहे हैं और साथ में हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के महासचिव भी रहे। धर्मशाला उपचुनाव के प्रभारी रहे और साथ में यह युवा नेता सामाजिक कार्य में भी अहम योगदान निभा रहे है। पिछले दो सालों से कोरोना वैश्विक महामारी के दौरान इन्होंने गरीबों और प्रवासी मजदूरों की दिन-रात सहायता की है। वर्तमान में हिमाचल सेवादल यंग ब्रिगेड के राज्य सचिव भी हैं। धर्मपुर के युवा नेता को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिलना एक गर्व की बात है। जितेंद्र ठाकुर ने इस जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, पंजाब प्रभारी हरीश चौधरी और सह प्रभारी चेतन व हर्षवंधन सतपाल हिमाचल प्रदेश के युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मनीष ठाकुर का धन्यवाद किया और कहा कि वो कड़ी मेहनत करेंगे और राष्ट्रीय नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरूंगा।
सुंदरनगर। उपमंडल स्तरीय कानूनी सेवा समिति, सिविल जज सुंदर नगर द्वारा सुंदरनगर की चमुक्खा पंचायत में कानूनी जागरूकता के लिए एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में उपमंडल स्तरीय कानूनी सेवा समिति की अध्यक्षा एवं सीनियर सिविल जज सुंदरनगर दिव्याज्योति पटियाल के साथ विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों ने लोगों को कानूनी जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महोदया ने जानकारी देते हुए कहा कि कानून एक कॉमन सेंस और एक सहयोग है। हमें अपने अधिकारों तथा कर्तव्यों का ज्ञान होना चाहिए। परंतु आज के समय में लोग अपने अधिकारों को तो भली-भांति समझते हैं पर कर्तव्यों को भूल जाते हैं। महोदया ने कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देते हुए लोगों को जागरूक किया और कानूनी मुश्किलों के विभिन्न उपायों तथा मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में बताया। इस अवसर पर एडवोकेट प्रेम चंद ठाकुर ने पूरी कानून संबंधी प्रक्रिया से लोगों को अवगत करवाया| तहसीलदार सुंदरनगर जगदीश शर्मा ने लोगों को राजस्व विभाग से संबंधित जैसे निशानदेही, तक्सीम, लोक मित्र केंद्र की जानकारी दी| साथ ही तहसील कल्याण अधिकारी सुंदरनगर विक्रांत जग्गा ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी| इस अवसर पर चमुक्खा पंचायत की जनता ने सीनियर सिविल जज से अपनी कानूनी समस्याएं भी बताई और समस्याओं के समाधान प्राप्त किए| इस अवसर पर एडवोकेट प्रेमचंद ठाकुर, तहसीलदार सुंदरनगर जगदीश शर्मा बीडीओ सुंदरनगर सुरेंद्र ठाकुर, एसआई सुंदरनगर सुभाष कुमार, चमुक्खा पंचायत प्रधान मस्तराम के साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे|
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान जोगिन्दर नगर स्थित डोहग में 10 जनवरी को सुजुकी मोटर गुजरात प्राईवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा आईटीआई पास युवाओं का कैंपस साक्षात्कार लेने जा रही है। विभिन्न ट्रेड में पास हो चुके तथा वर्ष 2015 से 19 तथा वर्ष 2020 व 21 में परीक्षा पास कर चुके छात्र इस कैंपस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए आईटीआई जोगिन्दर नगर के प्रधानाचार्य तनुज शर्मा ने बताया कि एनसीवीटी या एससीवीटी के तहत फीटर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, टूल व डाई मेकर, वेल्डर, इलैक्ट्रीशियन, प्लास्टिक प्रोसैसिंग ऑपरेटर, ऑटोमोबाईल, ट्रैक्टर मैकेनिक, पेंटर जनरल ट्रेड में वर्ष 2015 से 2019 तथा वर्ष 2020 व 21 में पास हो चुके छात्र कैंपस साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित ट्रेड में आईटीआई पास उम्मीदवारों के लिए दसवीं में 50 प्रतिशत जबकि आईटीआई 60 प्रतिशत अंकों के साथ पास होना जरूरी है। साथ ही उम्मीदवार की आयु 18 से 23 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि चयनित होने पर कंपनी 21 हज़ार रूपये प्रतिमाह वेतन तथा पीएफ, ईएसआई, वर्दी व जूते, मेडिकल इंशयोरेंस इत्यादि अन्य लाभ भी दिए जाएंगे। कैंपस साक्षात्कार में भाग लेने के इच्छुक व पात्र उम्मीदवार 10 जनवरी को प्रात: 9 बजे आईटीआई जोगिन्दर नगर स्थित डोहग में सभी मूल दस्तावेजों व प्रमाणपत्रों तथा दो सेट फोटोस्टेट, तीन नवीनतम फोटोग्राफ, आधारकॉर्ड के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज करवाना सुनिश्चित करें। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नम्बर 80910-02380 पर संपर्क स्थापित कर सकते हैं।
सुंदरनगर के डॉक्टर नंदलाल भारद्वाज को शाइनिंग स्टार ऑफ एशिया अवार्ड से सम्मानित किया गया है। सुंदर नगर के चित्रों खड़ी निवासी नंदलाल भारद्वाज को यह सम्मान शाइनिंग स्टार ऑफ एशिया अवार्ड विद सर्टिफिकेट ऑफ एजुकेशन एक्सीलेंस इंटरनेशनल अमेरिकन काउंसिल फॉर रिसर्च एंड डबल बेड आई एस ई आर डी ने दिल्ली में किर्गिस्तान के एंबेसडर वेट प्रदान किया। डॉ अनिल भारद्वाज को यह सम्मान अवार्ड उनके आउटस्टैंडिंग उपलब्धियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में रोल मॉडल कार्यों के लिए दिया गया है। एक किसान का बेटा होकर डॉक्टर नंदलाल भारद्वाज ने राजनीति शास्त्र समाजशास्त्र अर्थशास्त्र लोक प्रशासन तथा बीएड और एमएड की शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर समाजशास्त्र विषय में हिमाचल प्रदेश पर 1992 में पीएचडी की उपलब्धि प्राप्त की है। इनको इससे पहले 11 अवार्ड राष्ट्रीय स्तर पर तीन अवार्ड और तीन गोल्ड मेडल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्लोबल एंड वैश्विक स्तर पर प्राप्त हो चुके हैं। यह 14 अवार्ड अध्ययन अवधि के समय उन्होंने विभिन्न गतिविधियों एवं खेलों में भाग लेकर 5 सिल्वर कप व्यक्तिगत तौर पर प्राप्त किए हैं। इनके द्वारा उच्च शिक्षा पर लिखी गई एक की पुस्तकें 8 साल 1 और 6 कविताएं प्रकाशित हुई है। ग्लोबल मैगजीन में शिक्षा रतन का अवार्ड पाकर हिमाचल प्रदेश का नया विश्व पटल पर लाया है। उनकी यह उपलब्धि शिक्षक वर्ग के लिए प्रेरणा और हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव की बात है
उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने कहा कि गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर 26 जनवरी को जिला स्तरीय समारोह मंडी के सेरी मंच पर पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह के मुख्य आकर्षण होंगे। समारोह में कोविड प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया जाएगा। गुरुवार को गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन को लेकर संबंधित विभागों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागों को गणतंत्र दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी को मुख्यातिथि प्रातः पौने 11 बजे संकन गार्डन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने और गांधी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के उपरांत प्रातः 11ः02 बजे सेरी मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद वे परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी लेंगे और जिला वासियों के नाम अपना संदेश देंगे। समारोह में विभिन्न नाट्य दल सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजीव कुमार, एएसपी राजेश कुमार, सहायक आयुक्त संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लडभड़ोल: आयुष विभाग दिल्ली में डायरेक्टर पद पर कार्यरत लडभड़ोल के पैतृक निवासी, डॉ वीरेंदर शर्मा एम.डी (मेडिसिन) गोल्ड मेडलिस्ट, वीरवार को एक स्वास्थ्य सम्बंधित कार्यक्रम में दूरदर्शन पर बच्चों की बीमारियों से सम्बन्धित चर्चा को लेकर लाइव उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम 6 जनवरी, वीरवार शाम 4 बजे डी.डी उर्दू पर प्रसारित होगा। कार्यक्रम में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान के निदेशक भी मौजूद रहेंगे। लाइव कार्यक्रम के दौरान दर्शक अपने बच्चों की बीमारियों से सम्बंधित समस्याओं का हल फ़ोन पर भी पूछ सकते हैं।लडभड़ोल गांव में जन्मे व शिक्षा ग्रहण कर चुके डॉ वीरेंदर शर्मा दिल्ली में भारतीय चिकित्सा पद्धति के निदेशक के रूप में कार्यरत है। क्षेत्र के लिए यह बहुत ही गर्व की बात है कि लडभड़ोल से संबधं रखने वाले डॉ वीरेंद्र शर्मा नेशनल टेलिविज़न पर लाइव कार्यक्रम करेंगें।डॉ शर्मा का यह कार्यक्रम एयरटेल के चैनल नंबर 626, टाटा स्काई के चैनल 119, डिश टीवी के चैनल 213, रिलायंस डिजिटल के चैनल 971 व डेन के चैनल 799 पर शाम 4 बजे लाइव प्रसारित होगा। इसके अतिरिक्त इस कार्यक्रम को यूट्यूब के डी.डी उर्दू चैनल पर भी देखा जा सकता है।
सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं सीपीएस ठाकुर सोहनलाल की अध्यक्षता में 11 परिवार के सदस्यों ने भाजपा छोड़ थामा कांग्रेस का दामन, उन्होंने बताया कि अब लोग भाजपा की जन विरोधी नीतियों से तंग आकर लोगों का भरोसा भाजपा से बिल्कुल उठ चुका है क्योंकि भाजपा ने इन 4 सालों में झूठे वादे करके और गुमराह करके जनता को सिर्फ ठगने का काम किया है, उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस पूरी तरह से मैदान में जुड़ चुकी है , यूथ कांग्रेस द्वारा बूथ स्तर पर कमेटियों का गठन किया जा रहा है जिसमें हर बूथ पर युवा बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं जो कि आने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अच्छे संकेत है, उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार झूठ बोलकर सत्ता में आई थी और आज स्थिति यह है कि हर वर्ग के लोग सड़कों पर उतर कर अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं, महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार काबू पाने के लिए असमर्थ नजर आ रही है, इस सरकार मे अधिकारी और कर्मचारी नेताओं के दबाव में काम करने को मजबूर हो गए है जो कि एक बहुत बड़ा चिंता का विषय है, उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आगामी आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट चुके हैं, उन्होंने कहा की जयराम सरकार अपने 4 साल से ज्यादा कार्यकाल में अभी तक बिल्कुल विफल साबित हुई है और इनकी जनविरोधी नीतियों को देखते हुए जनता भी अब बदलाव के मूड में है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पधर के प्रिंसिपल रविंदर कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि आईटीआई पधर में 10 जनवरी को एचआरवीएस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से सुजुकी मोटर लिमिटेड गुजरात ने इस कार्यालय में पुरुष आवेदकों की भर्ती के लिए पद अधिसूचित किये है। जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक में 50% और आईटीआई में 60% अंको सहित फिटर, टर्नर बेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, टोल एंड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, मशीनिस्ट ट्रैक्टर/डीजल/मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, पेंटर जनरल, ऑटोमोबाइल(सीओई) के जिन पुरुष आवेदकों की उम्र 18 से 23 साल है और 2015 2021 में आईटीआई पास किया है के लिए शाक्षात्कार रखे गए है।
नव वर्ष के उपलक्ष्य में जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रकाश राणा द्वारा 'लोहडी मिलन समारोह' कार्यक्रम का आयोजन रविवार 9 जनवरी को प्रातः 10 बजे से सायं 4:30 बजे तक मच्छयाल मेला मैदान में करवाया जा रहा है। यह बात विधायक के प्रवक्ता अजय बावा ने कही। बावा ने कहा कि इस समारोह में विधानसभा क्षेत्र की निचला गरोडू, मसौली, दारट बगला, जलपेहड़, नेरघरवासड़ा, कस, भराडू, बिह, नोहली, बल्ह, चलाहरग, द्राहल, बुहला भडयाडा, कुठेहड़ा, पिपली, द्रुब्बल, धार, कोलंग, त्रेम्बली पंचायतों के महिला मंडल भाग लेंगें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में महिला मंडलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे वहीं उनके लिए खेल कूद प्रतियोगिता एवं महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य रीमा राणा बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी। प्रथम चरण कार्यक्रम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी करवाया जाएगा। जिसमें रस्साकस्सी व म्यूजिक चेयर मुख्य रूप से शामिल रहेंगी। रस्साकस्सी में पहला स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 5 हज़ार रु, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 3 हज़ार रु व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 15 सौ रु की नकद राशि ईनाम के रूप में दी जाएगी। वहीं म्यूजिक चेयर प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को15 सौ रु, दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 1 हज़ार रु व तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले महिला मंडल को 5 सौ की नकद राशि ईनाम के रूप में दी जाएगी। यह कार्यक्रम संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में तीन चरणों में करवाया जा रहा है जिसमें प्रथम चरण का कार्यक्रम मच्छयाल मेला मैदान, दूसरे चरण का कार्यक्रम चौंतड़ा व तीसरे चरण का कार्यक्रम लड़भडोल में आयोजित करवाया जायेगा। दूसरे और तीसरे चरण की तिथियां बहुत जल्द सार्वजनिक कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए सभी पंचायतों से आने वाले महिला मंडलों को सात जनवरी तक पंजीकरण दस्तावेज के साथ नाम दर्ज करवाना होगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जोगिन्द्रनगर के एनएसएस स्वयंसेवी कर्ण सिंह जो बाहरवीं कक्षा में शिक्षा प्राप्त कर रहा है का चयन आरडी परेड 2022 शिमला के लिए हुआ है। यह जानकारी देते हुए पाठशाला के प्रधानाचार्य महेश प्रसाद ने बताया कि उसका चयन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गोंदपुर, जिला ऊना में 27 दिसम्बर 2021 से 1 जनवरी 2022 तक चले चयन कैंप से हुआ है। प्रधानाचार्य ने स्वयंसेवी कर्ण सिंह, कार्यक्रम अधिकारी वीरी सिंह सहित समस्त स्टाफ सदस्यों को कर्ण सिंह के चयन पर बधाई दी।
जोगिंदर नगर उपमंडल की समस्त पाठशालाओं में से 6 विद्यार्थी इंस्पायर छात्रवृत्ति के लिए चुने गए, इनमें से 4 विद्यार्थी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बस्सी से संबंधित है। प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर ने बताया कि कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों को यह छात्रवृत्ति साइंस एवं टेक्नोलॉजी विभाग भारत सरकार द्वारा ₹10000 सालाना दी जाती है। इन विद्यार्थियों ने विभाग को नवाचार से संबंधित अपने आइडियाज प्रेषित किए थे। पाठशाला की सुनिषिका कक्षा आठ, अनन्या कक्षा 8, वर्षा शर्मा कक्षा 6 व वंशिका ठाकुर कक्षा 8 को यह छात्रवृत्ति केंद्र सरकार द्वारा दी जाएगी ।
उपमंडल जोगिन्दर नगर के किसानों एवं बागवानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न बागवानी विकास योजनाओं बारे 06 जनवरी को वर्चुअल माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान जहां बागवानी विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों के बीच रखी जाएगी तो वहीं प्रगतिशील किसानों के अनुभव भी लोगों के साथ साझा किये जाएंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने बताया कि लाइव वर्चुअल जन संपर्क-एक श्रृंखला के अंतर्गत तीसरे एपिसोड में आगामी 06 जनवरी को सायं 4 से 5 बजे तक बागवानी विकास से जुड़ी योजनाओं बारे लोगों से सीधा वर्चुअल जन संपर्क किया जाएगा। इस दौरान जहां बागवानी विभाग के अधिकारी बागवानी विकास से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी लोगों के बीच रखेंगे तो वहीं प्रगतिशील किसान व बागवान अपने अनुभव भी लोगों के बीच साझा करेंगे तथा योजनाओं के साथ जुडऩे के लिए किसानों व बागवानों को प्रेरित भी किया जाएगा। उनका कहना है कि इस लाइव वर्चुअल जन संपर्क एक श्रृंखला को शुरू करने का प्रमुख उद्देश्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना है। साथ ही विभिन्न बागवानी विकास योजनाओं से अब तक हुई प्रगति की जानकारी को भी आम जनमानस के साथ साझा करना है। उन्होने बताया कि इसी श्रृंखला के तहत अबतक दो एपिसोड पूरे कर लिये गए हैं। जिनमें पहला एपिसोड कोविड वैक्सीनेशन एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों जबकि दूसरा एपिसोड कृषि विकास योजनाओं एवं प्राकृतिक खेती बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं विशेषज्ञों की मौजूदगी में जागरूक किया जा चुका है। उन्होने बताया कि एपिसोड तीन का सीधा प्रसारण एसडीएम जोगिन्दर नगर व एपीआरओ जोगिन्दर नगर के फेसबुक पेज व अकाउंट के साथ-साथ विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म में 06 जनवरी को सायं 4 से 5 बजे के बीच किया जाएगा। इस दौरान बागवानी को लेकर किसान अपनी विभिन्न समस्याओं को भी रख सकते हैं जिस बारे बागवानी विकास अधिकारियों द्वारा यथा संभव समाधान करने का भी हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बस्सी तहसील जोगिंदरनगर में शनिवार को कलस्टर स्तरीय उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समिति का चयन किया गया। प्रधानाचार्य गुरविंदर कौर ने बताया कि क्लस्टर स्तरीय उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समिति में कुल 16 पाठशालाओं ने भाग लिया। माध्यमिक स्तर में राजकीय माध्यमिक पाठशाला, बल्ह चल्हारग प्रथम व राजकीय माध्यमिक पाठशाला गदियाड़ा दूसरे स्थान पर रहे। हाई स्कूल में राजकीय उच्च पाठशाला मझारनू प्रथम व राजकीय उच्च पाठशाला मनारू दूसरे स्थान पर रहे। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बस्सी प्रथम व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला द्राहल दूसरे स्थान पर रहे। उत्कृष्ट स्कूल प्रबंधन समितियों को इस अवसर पर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। किरण ठाकुर, विनोद गुलेरिया व रुबिन ठाकुर ने उत्कृष्ट एसएमसी के चयन में जज के रूप में भूमिका अभिनीत की।
जोगिंद्रनगर: 2 साल के बाद राजीव गांधी डिग्री कॉलेज जोगिंद्रनगर में एबीवीपी द्वारा टैलेंट हंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में माइंड ऑपरेशन अकादमी के निदेशक राम प्रकाश ठाकुर ने शिरकत की और बच्चों को नशे से दूर रहने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे दिन प्रतिदिन गलत आदतों का शिकार हो रहे हैं इसकी वजह से समाज का बहुत ज्यादा नुकसान हो रहा है। बुरी आदत से बचने के लिए हमें अपने जीवन में अच्छी आदत अच्छी संगत और अच्छे गुरुओं का जीवन में अनुसरण करना पड़ेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान एनसीसी की छात्राओं ने पहाड़ी नाटी में प्रथम स्थान हासिल किया, दूसरा स्थान नृत्य में अंकिता ने हासिल किया और तीसरा स्थान गाना गाकर कोमल ने हासिल किया।
जोगिंद्रनगर। शानन स्थित वैदिक पब्लिक उच्च वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के बच्चों ने नए साल का स्वागत सांस्कृतिक कार्यक्रमों व क्लास पार्टी के साथ किया। बच्चों ने अपनी कक्षा अध्यापिकाओं को खुद डिजाइन किए ग्रीटिंग कार्ड दिए। इस दौरान बच्चों में एक अलग प्रकार का उत्साह देखा गया। स्कूल की प्रधानाचार्य कंचन ठाकुर व निदेशक मेघ सिंह ने बच्चों और अध्यापिकाओं को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सभी को अपनी पुरानी और बुरी यादों को पीछे छोड़कर एक नई शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें नए साल की शुरुआत अच्छे कामों से करनी चाहिए। उन्होंने आने वाले साल में बच्चों के स्वास्थ्य व उज्ज्वल भविष्य की कामना।
जोगिंदरनगर में जन सुधार समिति की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में समिति की गैर सरकारी सदस्य मेघना ठाकुर ने मझारनू-भदरोल संपर्क सडक़ के सुधार का मामला उठाया। जिस बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आगामी 30 जनवरी तक मनरेगा के माध्यम से सडक़ के सुधार कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही अगले बजट में सडक़ के रखरखाव के लिये बजट का प्रावधान भी किया जाएगा। गैर सरकारी सदस्य कमल ठाकुर ने 22 केवी भराडू विद्युत उपकेंद्र में कर्मियों की तैनाती न होने का मामला रखते हुए कहा कि इससे इस क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतों को बिजली की परेशानी से आये दिन समस्या उठानी पड़ रही है। इस संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 6 माह के लिये आउटसोर्स के आधार पर कर्मियों की तैनाती की जा रही है जिस बारे टैंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। समिति की गैर सरकारी सदस्य कृष्णा ठाकुर ने गांव टिकरी मुशैहरा के लिये बजगर खड्ड से बिना फिल्टर पीने के पानी की सप्लाई का मामला उठाया। इस बारे संबंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत खराब पड़े फिल्टर को आगामी 31 मार्च तक रिपेयर कर दिया जाएगा तथा नये फिल्टर का भी निर्माण किया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि फिल्टर ठीक होने तक ट्यूबवेल के माध्यम से लोगों को पीने का पानी मुहैया करवाया जाए। गैर सरकारी सदस्य विक्रम सिंह ने पंडोल स्कूल में खराब सोलर लाइट्स की मामला उठाया जिस बारे एसडीएम ने संबंधित स्कूल के प्रशासन को इन्हे रिपेयर करने के निर्देश दिये। दलीप सिंह ने द्रुब्बल में वन विभाग के विश्राम गृह निर्माण न होने का मामला रखा, जिस पर संबंधित विभागीय अधिकारियों ने नियमों का हवाला देते हुए इसका निर्माण न होने का बात कही। एसडीएम वन विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में संपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। तेज सिंह ने हरिजन बस्ती आरठी पीने के पानी के लिये फिल्टर व भंडारण टैंक न होने का मामला रखा। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि फिल्टर ठीक से कार्य कर रहे हैं जबकि जल भंडारण के लिये नये टैंक के निर्माण कार्य को टैंडर दे दिये गए हैं। इसके अलावा अलग लाइन बिछाने का कार्य भी किया जा रहा है।
उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में रखे गए मामलों का संबंधित विभागीय अधिकारी समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित बनायें। उन्होने कहा कि जन शिकायत निवारण समिति की बैठक लोगों की समस्याओं को उठाने का यह एक महत्वपूर्ण मंच है तथा आने वाले समय में समिति की बैठक एक नियमित अंतराल के बाद सुनिश्चित की जाएगी ताकि जनसमस्याओं का एक निश्चित अवधि के भीतर निपटारा किया जा सके। एसडीएम मिनी सचिवालय परिसर में उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जितने भी मामले इस बैठक में समिति के ध्यान में लाए गए हैं, उन पर समयबद्ध उचित कार्रवाई करते हुए मामले के निपटारे की जानकारी संबंधित गैर सरकारी सदस्यों को मुहैया करवाई जाए।उन्होने बैठक में भाग लेने वाले सभी गैर सरकारी सदस्यों का स्वागत भी किया तथा कहा कि उनके माध्यम से प्राप्त होने वाली जन शिकायतों को न केवल प्राथमिकता के आधार पर हल करने का पूरा प्रयास किया जाएगा बल्कि समय-समय पर इन मामलों की समीक्षा भी की जाएगी। साथ ही उन्होने बैठक में अनुपस्थित रहे विभागों से जबाव तलबी के भी निर्देश दिये।


















































