भारतीय जनता पार्टी की एक दिवसीय कार्यसमिति बैठक शिमला पीटर हॉफ में 20 मई को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में होगी, जिसकी व्यवस्था के लिए आज भाजपा कार्यालय दीपकमल में 17 प्रबंधन समितियों की बैठक हुई। इस व्यवस्था बैठक में मुख्यत नवनियुक्त संगठन महामंत्री सिद्धार्थन और प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। भारतीय जनता पार्टी की विशेष कार्यसमिति बैठक केंद्र सरकार के सफल 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में केंद्रीय नेतृत्व द्वारा प्रस्तावित कार्यक्रम की रुपरेखा के बनाने के निमित्त रखी गई है। केंद्र सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश भर में महा जनसमपर्क अभियान के तहत 1 जून से 30 जून तक व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। जिसकी विस्तृत रुपरेखा को इस एक दिवसीय कार्यसमिति में अंतिम रूप दिया जाएगा। इस माह भाजपा महा जनसंपर्क अभियान बूथ स्तर पर चलाएगी । प्रबंधन समितियां जहाँ विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग करेगी, वहीँ युवा मोर्चा साज-सज्जा के माध्यम से सभा स्थल, प्रांगण व् झंडे-डंडे लगाकर प्रदेश कार्यसमिति के दौरान शहर को भगवामय बनायेंगे। इस प्रदेश कार्यसमिति बैठक में प्रदेश भर से लगभग 300 प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाग लेंगे। इस बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो प्रेम कुमार धूमल, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, केद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद संगठन महामंत्री सिद्धार्थन इंदु गोस्वामी, सिकंदर कुमार, किशन कपूर, सुरेश कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आज की बैठक में मुख्यत संगठन महामंत्री सिद्धार्थन जी, प्रदेश उपाध्यक्ष पुरषोतम गुलेरिया, रतन पाल, पायल वैद्य, 2022 भाजपा के प्रत्याशी संजय सूद, रवि मेहता, अजय श्याम, करण नंदा, चेतन बरागटा, विजय परमार, प्यार सिंह अंजना शर्मा उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में आज न्यू पेंशन योजना जिला कांगड़ा इकाई और महाविद्यालय प्राध्यापक वर्ग की संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम बैठक में पुरानी पेंशन योजना को पुन: बहाल करने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट किया गया। महाविद्यालय प्राध्यापक वर्ग की तरफ से डॉ. सुरेंद्र सोनी ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली के लिए किए गए लंबे संघर्ष के लिए न्यू पेंशन योजना कर्मचारी संघ की सराहना करते हुए कहा कि संगठन के अथक प्रयासों से ही सरकारी कर्मचारियों को उनका हक मिल पाया है। संघ की धर्मशाला इकाई के अध्यक्ष डॉ. विक्रम वत्स ने कहा है कि प्रदेश सरकार द्वारा लिया गया पुरानी पेंशन योजना का निर्णय एक ऐतिहासिक निर्णय है। प्रदेश के कर्मचारी इसके लिए सदैव सरकार के ऋणी रहेंगे। न्यू पेंशन योजना कर्मचारी संघ जिला कांगड़ा इकाई के अध्यक्ष राजिंदर मिन्हास ने इस अवसर पर कहा कि यह जीत उस प्रत्येक कर्मचारी की जीत है जिसने प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से सालों तक दिन रात संघर्ष किया। सरकार द्वारा कर्मचारियों के हित में लिए गए इस निर्णय ने सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की है। बैठक में न्यू पेंशन योजना कर्मचारी संघ के राज्य उपाध्यक्ष सौरभ वैद्य, महाविद्यालय के प्रधायपक डा. रंजीत ठाकुर, डा. अजय कुमार ने भी अपने विचार प्रकट किए। बैठक में धर्मशाला में 28 मई, 2023 को प्रस्तावित आभार रैली के संबंध में भी चर्चा की गई। श्री राजेंद्र मिन्हास ने महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों और गैर शिक्षक कर्मचारियों से आभार रैली में शामिल होने का निवेदन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय शिक्षक और गैर शिक्षक वर्ग द्वारा 28 मई, 2023 को धर्मशाला में होने वाली आभार रैली के लिए 21000 रुपए का अनुदान भेंट किया गया। इस अवसर पर डा. बलराज , डा. रजनीश दीवान, डा. अजय चौधरी, डा. भरत भूषण, डा. एस एस रंधावा, डा. आशीष रंजन, डा. संजीव, डा. बालक, डा. गोविंद, डा. संजय, डा. राधे श्याम, डा. गौरव महाजन उपस्थित रहे।
कृषि मंत्री प्रोफेसर चंद्र कुमार एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां जारी एक संयुक्त वक्तव्य में कहा कि नेता विपक्ष जयराम ठाकुर केवल अपने विधानसभा क्षेत्र सराज तक ही सिमित हैं। दोनों मंत्रियों ने कहा कि जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते केवल मात्र सराज विधानसभा क्षेत्र के विकास को ही प्राथमिकता प्रदान की और मंडी जिला सहित प्रदेश के अन्य क्षेत्रों की लगातार अनदेखी करते रहे। आज भी विपक्ष के नेता के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेवारी होने के बावजूद वे केवल सराज क्षेत्र से जुड़े मुद्दे ही उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर बतौर नेता विपक्ष अपनी सोच का दायरा विस्तृत करें और समूचे प्रदेश के हितों की पैरवी के लिए आगे आएं। कहा कि अपने कार्यकाल में जयराम ठाकुर ने शिक्षकों सहित विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने पर कभी कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे राज्य में कर्मचारियों की कमी बनी रही। इसके विपरित वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के दूरदर्शी नेतृत्व में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। मंत्रिमंडल की बैठक में शिक्षा विभाग में विभिन्न श्रेणियों के शिक्षको के लगभग 5300 पद भरने को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार अन्य विभागो में भी कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। उन्हांेेने कहा कि इसके लिए भर्ती प्रक्रिया पूरी होते ही सरकारी संस्थानों में कर्मचारियों की कमी को काफी हद तक पूरा कर लिया जाएगा।
जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने अपनी विधानसभा की ग्राम पंचायत मूमता में मछिन्द्रनाथ मेला कमेटी मूमता द्वारा आयोजित मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बाली ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जो रोजगार का वादा पांच हजार नौकरियां देने का किया है, वह पूरा किया जाएगा। उन्होंने मूमता पंचायत के लिए कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने पंचायत में होने वाले कार्यक्रमों को करने के लिए एक स्टेज बनाने के लिए 2 लाख देने का भी एलान किया। बाली ने जीएस बाली को याद करते हुए उनके विकास कामों को याद किया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नगरोटा विधानसभा में आएंगे और इस विधानसभा के लिए कई घोषणाएं करके जाएंगे। मूमता पंचायत में हुई कुश्ती के लिए RS बाली ने 50 हजार और इसके अलावा 20 लाख पंचायत कार्यों को देने का एलान किया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) को वित्तीय घाटे से उबाारने के लिए राज्य सरकार इसमें व्यापक सुधार लाएगी। वे बुधवार देर सायं यहां परिवहन विभाग की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सुधारों से निगम को आत्मनिर्भर बनाने और बेहतर वित्तीय संसाधन उपलब्ध करवाने, कर्मचारियों और पेंशनरों को समय पर वेतन और पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सुधार प्रक्रिया के तहत राज्य सरकार निगम में चालकों और परिचालकों के रिक्त पद भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी जिसके माध्यम से राज्य के लोगों को सुगम और बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि टाइप-1 की 75 ई-बसें खरीदने की योजना पर काम चल रहा है, जिसकी निविदाएं पहले ही जारी कर दी गई हैं। इसके लिए लेटर ऑफ अवार्ड (एलओए) अगले माह तक जारी होने की उम्मीद है। इन 75 ई-बसों के लिए मार्गों की पहचान कर ली गई है और चार्जिंग स्टेशनों सहित आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा, निगम ने 225 डीजल बसों को टाइप-2 ई-बसों से बदलने के लिए मार्गों की पहचान की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निगम में चरणबद्ध तरीके से डीजल बसों को इलेक्ट्रिक बसों (ई-बसों) में बदला जा रहा है। वर्तमान में निगम के बेड़े में पहले से ही 95 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं और निकट भविष्य में इनकी संख्या में और वृद्धि की जाएगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने हरित बजट पेश किया है और 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल प्रदेश को हरित ऊर्जा राज्य में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य का लक्ष्य ई-वाहनों के संचालन में आदर्श स्थापित करना है और इन वाहनों के संचालन के लिए प्रदेश में छह ग्रीन कॉरिडोर स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश में कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में ई-वाहनों के संचालन को बढ़ावा देना सरकार की रणनीति का हिस्सा है। बैठक के दौरान हमीरपुर में प्रस्तावित बस पोर्ट की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश बस स्टैंड प्रबंधन एवं विकास प्राधिकरण (एचपीबीएसएमडीए) द्वारा अगले दो वर्षों के भीतर इसे तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त हमीरपुर जिले के नादौन में ई-बस डिपो के निर्माण के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने निगम की सामाजिक जिम्मेदारियों को पूरा करने की प्रतिबद्धता जताते हुए परिवहन क्षेत्र में किए गए सुधारों के लिए समर्थन व्यक्त किया। उन्होंने निगम की कार्यप्रणाली में सुधार की दिशा में बहुमूल्य सुझाव भी दिए।
एनआईटी हमीरपुर प्रशासन ने एक तुगलकी फरमान जारी करते हुए एनआईटी हमीरपुर के अस्पताल में कार्यरत नर्सों को हॉस्टल में भी नाइट ड्यूटी करने के आदेश जारी कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि नियमों को ताक पर रखकर यह आदेश जारी किए गए हैं। एनआईटी हॉस्पिटल में पिछले कई वर्षों से आउटसोर्स पर रखी नर्सों को नियमों के विपरीत ऐसी ड्यूटी करने को बाध्य किया जा रहा। गौरतलब है कि एनआईटी हमीरपुर पर आज तक मेडिकल नैग्लीजेंस के मामले में अदालत में लंबित पड़े हैं वो भी तब जब उस समय डॉक्टर ड्यूटी पर था। ऐसे भी अब बिना डॉक्टर के नर्स को रात्रि समय में हॉस्टल में तैनात करने से मिलने पर सवाल उठना लाजमी है अब उसी एनआईटी में बिना डॉक्टर के प्रशासन ने नर्सों को हॉस्टल में नाइट ड्यूटी करने और मरीजों को दवाइयां देने को कहा जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में नियमों के अनुसार कोई भी नर्स बिना डॉक्टर के परामर्श से किसी भी मरीज को दवाई नहीं दे सकती और नर्सेज की नाइट ड्यूटी मात्र हॉस्पिटल में पूरे सिक्योरिटी स्टाफ और डॉक्टर की मौजूदगी में लगाई जा सकती है। एनआईटी के डायरेक्टर एचएन सूर्यवंशी ने कहा कि ये ऑर्डर आउटसोर्स एजेंसी ने निकाले हैं। उक्त कर्मचारी और आउटसोर्स आधार पर कंपनी के माध्यम से रखे गए हैं। आउटसोर्स एजेंसी आरके एंड कंपनी के निदेशक सुशील ठाकुर से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि जो आदेश एनआईटी प्रशासन उनको देता है वो उनका पालन करते हैं और किसी कर्मचारी को आपत्ति है तो वो उनको अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता हैं और वो इसकी सूचना एनआईटी प्रशासन को देंगे और इसमें यदि सुधार की आवश्यकता होगी तो वो की जाएगी।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी, कांगड़ा आकाश राणा ने बताया कि वीएमटी स्पिनिंग मिल्स (वर्धमान टेक्सटाइल की एक इकाई), क्ल्याणपुर, बद्दी, सोलन ने डोफर एंड वाइंडर ट्रेनी के 50 पद अधिसूचित किए हैं। इनमें 25 पद पुरुष तथा 25 पद महिला उम्मीदवारों के लिए हैं। इन्हें भरने के लिए उक्त कंपनी द्वारा उपरोजगार रोजगार कार्यालय देहरा में 20 मई को पात्र युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार प्रातः साढ़े 10 बजे से आरंभ होंगे। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता आठवीं से बारहवीं, कद कम से कम 5 फुट या इससे अधिक, वजन कम से कम 36 किलोग्राम तथा आयु 18 से 27 वर्ष रखी गई है। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा ट्रेनिंग अवधि के दौरान पहले महीने 9000 रुपये, दूसरे महीने 9500 रुपये तथा 6 महीने बाद ट्रेनिंग समाप्ति पर 13 हजार रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ उप रोजगार कार्यालय देहरा पधार कर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। इसे लेकर अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8894727302 तथा 8894312726 पर संपर्क किया जा सकता है।
उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान 18 मई से 20 मई तक सिरमौर जिला के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान उद्योग मंत्री जहां जनसमस्यायें सुनेंगे, वहीं कालाअंब में चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक में भाग लेने के अलावा पांवटा साहिब में आयोजित होने वाले बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान 19 मई को प्रातः 9.30 बजे सतौन में, 11 बजे कफोटा में और दोपहर 12.45 बजे जाखना में जनसमस्यायें सुनेंगे। 20 मई को प्रातः 11 बजे गुरु नानक मिशन स्कूल पांवटा सािहब में हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल फेडेरेशन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगे।
आज सोलन जिला के कंडाघाट सब डिवीजन के सायरी गांव में सायरी पेंशनर एसोसिएशन द्वारा वार्षिक समारोह एवं स्थापना दिवस का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पेंशनर एसोसिएशन के अध्यक्ष जीतराम शर्मा ने की । इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप मौजूद रहे जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ राजेश कश्यप ने हिस्सा लिया। सांसद सुरेश कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि पेंशनर्स समाज का एक मजबूत अंग है। उन्होंने ख़ुशी जताते हुए कहा कि आज पेंशनर्स का सरकार के साथ बेहतरीन तालमेल स्थापित है। उन्होंने कहा कि सांसद सुरेश कश्यप ने अपने सांसद निधि से इस संस्था के लिए कम्युनिटी हॉल बनाने के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की और साथ ही आश्वासन दिया कि पेंशनर्स के हर समस्या का हल किया जायेगा। इस दौरान सायरी और आस पास की पंचायतों से लोग भी उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में कंवर दुर्गा चंद की 23 वीं पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य अशोक कटोच की उपस्थिति में प्राचार्य महोदय व कॉलेज के समस्त शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक सदस्यों ने पुष्पांजलि अर्पित करके श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कतिपय छात्र व छात्राएं भी उपस्थित रहे। श्रद्धासुमन अर्पित करने के उपरान्त कालेज के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल ने कवर दुर्गा चंद के व्यक्तित्व पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मूल्यों एवं आदर्शों पर राजनीति करने वाले कंवर दुर्गा चंद का जन्म 24 सितंबर, 1922 तथा 17 मई, 2000 के दिन वे हमारे बीच से रुखसत हुए थे। कंवर दुर्गा चंद एक कुशल राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ एक समाजसेवी व लोकप्रिय जननेता भी थे। वे प्रदेश विधानसभा के लिए 1967, 1972, 1985, 1990 एवं 1995 में निवार्चित हुए और सदन के सदस्य रहे। इसके अतिरिक्त 1977-80 में कांगड़ा व चंबा लोकसभा संसदीय क्षेत्र से सांसद रहे। सेवाभाव एवं समर्पण 1 की भावना उनमें इतनी थी कि पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने कांगड़ा के लोगों के साथ मिलकर सेवा समिति नाम की सामाजिक संस्था बनाई तथा अन्य सामाजिक कार्यों के साथ-साथ छात्राओं के लिए कई नए स्कूल खोले। वे अपने पूरे राजनीतिक जीवन के दौरान नि:स्वार्थ भाव से हमेशा जनता के कल्याण के लिए समर्पित रहे। आज उनकी पुण्य तिथि के अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने उनकी स्मृति में उन्हें कोटि-कोटि नमन करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किये। प्राचार्य जी ने उनके आदर्शों एवं जीवन को जनमानस के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बताया।
शिमला नगर निगम के चुनाव के बाद मेयर व डिप्टी मेयर मिल गए हैं। मेयर व डिप्टी मेयर ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। ऐसे में मेयर व डिप्टी मेयर से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडलों का भी रूटीन में आना-जाना शुरू हो गया। बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम शिमला के कार्यालय में मेयर सुरेंद्र चौहान व डिप्टी मेयर उमा कौशल को मिला। भाजपा के पार्षदो में अप्पर ढली से कमलेश मेहता, फागली से कल्याण धीमान, पंथाघाटी से कुसुम ठाकुर, रुल्दुभट्टा से सरोज ठाकुर, कृष्णा नगर से बिट्टू कुमार पाना, कसुम्पटी से रचना शर्मा, पटयोग से आशा शर्मा, न्यू शिमला से निशा ठाकुर व भराड़ी से मीना चौहान शामिल रही। पार्षदों ने पुष्पगुच्छ व मिठाई के साथ अभिनंदन किया व शुभकामनाएं दीं। वहीं मेयर सुरेंद्र चौहान व डिप्टी मेयर उमा कौशल ने भाजपा के पार्षदों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान भाजपा के पार्षदों ने मेयर व डिप्टी मेयर से विकास में सहयोग मांगा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल कसुम्पटी की पार्षद रचना शर्मा ने बताया कि सभी पार्षदों ने मेयर व डिप्टी मेयर को बधाई दी और पार्षदों को भी मेयर व डिप्टी मेयर ने शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का कार्य बेहतर आगे बढ़े, विकास के काम हो और जो वायदे हुए हैं, उनको पूरा किया जाए और विशेष रूप से हम सब अपने अपने वार्ड में जनता के साथ वादे करके आए हैं, उन वादों को पूरा करने में नगर निगम सहयोग करें, इसके लिए आज शिष्टाचार भेंट मेयर व डिप्टी मेयर से हुई है। मेयर व डिप्टी मेयर ने हरसंभव सहयोग देने का विश्वास दिया है। उन्होंने कहा कि हम पार्षद भी विकास में पूर्ण सहयोग करेंगे, शिमला आगे बढ़े, बेहतर बने ,सुंदर बने इसके लिए बेहतर निर्णय का समर्थन होगा। वहीं शिमला की आवाज को भी बुलंद किया जाएगा, विकास लक्ष्य हैं और विकास को आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी भी अनेक ऐसी समस्याएं हैं वार्डों में जिनका हल होना है ,इसके लिए नगर निगम के सभी विभाग बेहतर सहयोग देकर के काम करें, ऐसी उम्मीद जताई गई है। मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के पार्षद मिले हैं। उन्होंने स्वागत किया है उनका आभार है। हर पार्षद को हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सभी वार्ड एक समान है और पार्षदों का सम्मान बरकरार रहेगा। पार्षदों के कार्य प्राथमिकता पर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पौधारोपण का कार्यक्रम और उसके अलावा शिमला को हरा भरा बनाने का जो सोच है, जो समस्याएं कम करने की बात है। लोगों को राहत देने की बात है उस सब पर काम करेंगे और सब पार्षदों का सहयोग भी लेंगे और सब पार्षदों को भी सहयोग करेंगे।
11केवी फीडर चोबिन और महाकाल में मरम्मत कार्य और सामान्य रखरखाव हेतु 19 मई को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कारण गांव महाकाल, कुंसल, बडिओ, चोबीन, चौबू लघु, ग्वाल, नगेहर, डूक गांधीग्राम, बही मंधोल, राजली, कुडेल, कृष्णानगर इत्यादि गावों में विद्युत आपूर्ति सुबह 9 बजे से शाम के 5 बजे तक या कार्य समाप्ति तक बंद रहेगी या बिजली कटौती की जाएगी।
ध्यान योग आश्रम एवं आयुर्वेद शोध संस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट सीता राम मंदिर, कठनी द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 20 जून को मेले का आयोजन करने जा रहा है। मेले में दंगल का भी आयोजन भी किया जाएगा। इस दंगल को लेकर ध्यान योग आश्रम ट्रस्ट के गुरु ने कुछ नए निर्देश दिए गए है। दंगल में हिस्सा लेने वाले पहलवानो की उम्र 40 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा पहलवान केवल हिमाचल का ही होना चाहिए और पहलवान को हिमाचली प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य होगा। ध्यान योग आश्रम एवं आयुर्वेद शोध संस्थान चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रेजिडेंट ने बताया कि इस मेले में धार्मिक भाव का सरोबार होगा और मेले में कोई असुविधा न हो इसके लिए तमाम व्यवस्था सुनिश्चित किया जाएगा।
कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने आज यहां कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश अनुकूल जलवायु, समृद्ध मृदा और प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण है। राज्य में विभिन्न प्रकार की फसलों के उत्पादन के लिए उपयुक्त परिवेश विद्यमान है। प्रदेश सरकार ने किसानों की आय को दोगुना करने के लिए महत्वाकांक्षी योजना ‘हिम उन्नति’ शुरू की है। योजना के तहत प्रदेश में एकीकृत एवं समग्र कृषि गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके तहत प्रदेशभर में 2603 कलस्टर बनाए जाएंगे। वर्तमान में प्रदेशभर में 889 कलस्टर चिन्हित किए गए हैं। प्रथम चरण में इस वर्ष 286 कलस्टर में कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि एवं अन्य संबद्ध क्षेत्रों से जुड़े लोगों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से एकीकृत कार्य योजना बनाकर कार्य करना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कृषि में प्रौद्योगिकी का उपयोग सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को ‘चलो गांव की ओर’ नीति को अपनाने तथा फील्ड में जाकर किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के लिए कहा। कृषि मंत्री ने पोषक अनाज के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने विभिन्न घटकों को शामिल करते हुए विस्तृत कार्य योजना तैयार की है। इसके अन्तर्गत परम्परागत कृषि विकास योजना, आतमा, भारतीय प्राकृतिक किसान पद्धति व राष्ट्रीय सत्त खेती मिशन के तहत संगठित किसान समूहों को इस योजना में शामिल किया जाएगा। राज्य में पोषक अनाज उगाने के लिए तकनीक का उपयोग कर लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा तथा उनके उत्पादों को बेहतर बाज़ार उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जलवायु अनुकूल पोषक अनाजों की ज़िलेवार पहचान कर इनका स्थानीय तथा वैज्ञानिक डाटाबेस भी तैयार किया जाएगा। चंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में किसान सुभाष पालेकर प्राकृतिक खेती पद्धति अपना रहे हैं। हिमाचल इस खेती में अन्य राज्यों के समक्ष आदर्श के रूप में उभरा है। वर्तमान में प्रदेश के लगभग 2 लाख किसानों के लिए 6693 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करवाए जा चुके हैं। वर्तमान में प्रदेश के 165221 किसान सफलतापूर्वक प्राकृतिक खेती कर रहे हैं और प्रदेश की 3611 पंचायतों में इस पद्धति के माध्यम से खेती की जा रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि करने में संबद्ध क्षेत्र विशेष भूमिका निभाते हैं। प्रदेश सरकार पशुपालकों के पशुधन की देखरेख के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। इस दिशा में शीघ्र ही मोबाइल वेटेनरी यूनिट लॉन्च की जाएगी। इसके सुचारू क्रियान्वयन के लिए कॉल सेंटर भी स्थापित किया गया है। पशुपालकों को एक फोन कॉल के माध्यम से उनके घरद्वार के निकट दवाई एवं लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कृषि आधारित प्रचार-प्रसार सामग्री का विमोचन भी किया। बैठक में विभिन्न कृषि गतिविधियों तथा हिमगंगा योजना पर प्रस्तुति भी दी गई। कृषि सचिव राकेश कंवर, निदेशक कृषि डॉ. राजेश कौशिक, निदेशक पशुपालन डॉ. प्रदीप कुमार शर्मा, हिमफैड के प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र अत्री और विभिन्न जिलों से आए विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में बागवानी के क्षेत्र में कलस्टर विकास कार्यक्रम नए आयाम स्थापित करेगा। प्रदेश सरकार इस कार्यक्रम को राज्य में सफलतापूर्वक कार्यान्वित करने के लिए विचार कर रही है। यह जानकारी बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज यहां राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड तथा हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बागवानी के क्षेत्र में विभिन्न फलों का उत्पादन किया जाता है, जिसमें सेब, पलम, आड़ू, नाशपति तथा नींबू प्रजाति के फल इत्यादि प्रमुख हैं। प्रदेश के बागवानी उत्पाद देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं। किन्नौरी सेब एक ब्रांड के रूप में जाना जाता है। प्रदेश सरकार द्वारा राज्य के उत्पादों की गुणवत्ता के अनुसार इनकी ब्रांडिंग तथा विपणन पर बल दिया जा रहा है। बागवानी मंत्री ने कहा कि कलस्टर विकास कार्यक्रम के तहत किसानों की सभी जिज्ञासाओं तथा समस्याओं का निवारण कलस्टर विकास एजेंसी करेगी। इस कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर अध्ययन के लिए प्रदेश में हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड को कलस्टर विकास एजेंसी बनाया गया है। प्रदेश में इस कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिए बागवानी विभाग को नोडल एजेंसी नियुक्त किया गया है, जो राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड के साथ समन्वय स्थापित करेगी। कार्यक्रम के लिए हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम को कार्यान्वयन एजेंसी बनाया गया है। कार्यक्रम के तहत नर्सरी, पैक हाउस, शीत भण्डारण, प्रसंस्करण इकाई तथा एकत्रण केन्द्र के माध्यम से बागवानी क्षेत्र का विकास किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत विभिन्न अन्य कार्यक्रमों व योजनाओं को शामिल किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त किसानों को आधुनिक तकनीक तथा प्रचलनों से भी अवगत करवाया जाएगा और उनकी आय में बढ़ोत्तरी होगी। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रबंधन इकाई ग्रांट थोर्नटन के पार्टनर चिराग जैन ने कलस्टर विकास कार्यक्रम से संबंधित प्रस्तुति दी। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से हिमाचल प्रदेश को बहुत लाभ होगा तथा प्रदेश में इस कार्यक्रम की सफलता की संभावना बेहतर है। कार्यक्रम के तहत सीडीपी सुरक्षा ऑनलाइन मॉनिटरिंग पोर्टल पर किसानों को अपने लाभ से संबंधित सभी जानकारी प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के कुलपति डॉ. राजेश्वर चंदेल, राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (एनएचबी) के उप प्रबंध निदेशक बी.जे. ब्रह्मा तथा संयुक्त निदेशक आर.के. अग्रवाल, हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम के प्रबंध निदेशक सुदेश कुमार मोक्टा, हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध निदेशक नरेश ठाकुर, हिमाचल प्रदेश उष्ण कटिबंधीय बागवानी, सिंचाई एवं मूल्य संवर्द्धन परियोजना (एचपी शिवा) के परियोजना निदेशक देवेंद्र ठाकुर, राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड, एचपीएमसी तथा हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण कपटा की अध्यक्षता में विद्युत बोर्ड के प्रबंध निदेशक हरिकेश मीणा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने संघ की ओर से बोर्ड में प्रबंध निदेशक बनने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। संघ के महामंत्री नेक राम ठाकुर ने प्रबंध निदेशक को तकनीकी कर्मचारी संघ की मांगों से अवगत करवाया। इसमें मुख्य मांग तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती करना है। इसके अलावा सहायक लाइनमैन के लगभग 2700 पद जो खाली पड़े है टीमेट के आर एंड पी नियमों में बदलाव करके एकमुश्त प्रमोशन देना, हेल्पर से SSA, हेल्पर पावर हाउस को इलेक्ट्रिशियन, हेल्पर हाइड्रोमेक्निक को फिटर, हेल्पर M&T को इलेक्ट्रीशियन M&Tऔर हेल्पर P&T को इलेक्ट्रिशियन P&टी जल्द प्रमोट करना, बोर्ड में 200 जूनियर इंजीनियर इलेक्ट्रिकल के फीडिंग केडर से खाली पड़े पदों को आईटीआई लाइनमैन व इलेक्ट्रिशियन सेजल्द प्रमोट करना आदि मुख्य मांगें थीं। संघ ने बोर्ड प्रबंधन के साथ 22 सितंबर 2022 को हुई बैठक के संबंध में भी मानी हुई मांगों को लागू न करने पर भी रोष व्यक्त किया है और कहा है कि बोर्ड प्रबंधन जल्द इन मांगों पर चर्चा के लिए बैठक बुलाई जाए। बोर्ड प्रबंधन ने तकनीकी कर्मचारी संघ को आश्वासन दिया है कि उनकी मुख्य मांगों को सर्विस कमिटी में पूरा कर दिया जाएगा इसके अलावा अन्य मांगों को लेकर जल्द संघ को वार्ता के लिए बुलाया जाएगा।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, जो राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष भी हैं, ने आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस भवन में फिजियोथैरेपी केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र के खुलने से रोगियों को यहां ऑर्थोपीडिक फिजियोथैरेपी, न्यूरोलॉजीकल फिजियोथैरेपी और दर्द प्रबंधन से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। लेडी गवर्नर एवं राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण शाखा की अध्यक्ष जानकी शुक्ल भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। रेडक्रॉस के सदस्यों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि रेडक्रॉस एक ऐसी पवित्र संस्था है, जिसके लिए समाज की सेवा ही सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज को कुछ देने के भाव से ही लोग इस संस्था से जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि जब हम समाज के लिए कार्य करते हैं तो यह उन्नति करता है। जब समाज आगे बढ़कर कुछ देता है तो इससे राष्ट्र आगे बढ़ता है। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पहचान यहां की देव संस्कृति एवं स्वच्छ वातावरण से है और इसी कारण राज्य में बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए पहुंचते हैं। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों को नशामुक्ति में अपना सक्रिय सहयोग देना चाहिए। उन्हें ऐसे बच्चों के माता-पिता एवं अभिभावकों के साथ मिलकर इन युवाओं को नशामुक्ति के लिए प्रेरित करना चाहिए और सही मायने में समाज के लिए यही उनकी सेवा होगी। उन्होंने सदस्यों से हिमाचल को टी.बी. मुक्त बनाने में सहयोग देने का भी आग्रह किया। राज्यपाल ने राज्य रेडक्रॉस को निर्देश दिए कि रेडक्रॉस भवन में सदस्यों के नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित किए जाने चाहिए ताकि आपसी संपर्क एवं सहयोग से सोसायटी के कार्य को और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके। उन्होंने अधिक से अधिक रक्तदान शिविर लगाने पर भी बल दिया। इस अवसर पर रोगियों के लिए मैमोग्राफी स्क्रीनिंग और एक्यूपंक्चर थैरेपी का भी शुभारंभ किया गया। इससे पूर्व राज्यपाल के सचिव एवं राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के महासचिव राजेश शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया और केन्द्र की गतिविधियों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री की पत्नी एवं राज्य रेडक्रॉस सोसायटी की सदस्य कमलेश ठाकुर, राष्ट्रीय रेडक्रॉस प्रबंधन समिति की सदस्य डॉ. साधना ठाकुर, राज्य रेडक्रॉस की मानद सचिव डॉ. किम्मी सूद सहित रेडक्रॉस के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
शिमला में हार्मनी ऑफ द पाइंस, हिमाचल प्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा ने मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को दो लाख रुपये का चेक किया भेंट।
शूलिनी विश्वविद्यालय में योगानंद अनुसंधान केंद्र, विस्तारित वास्तविकता (ईआर) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दायरे की खोज पर केंद्रित एक अत्याधुनिक सुविधा के अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया गया। एक्सआर एंड एआर रिसर्च सेंटर का उद्घाटन योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष स्वामी स्मरणानंद गिरि द्वारा किया गया, जो पीएचडी के साथ एक कुशल नेता हैं। IIT खड़गपुर से इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग में और मॉन्ट्रियल में कॉनकॉर्डिया विश्वविद्यालय से पोस्ट-डॉक्टोरल फैलोशिप भी है। प्रो. पीके खोसला, चांसलर, शूलिनी यूनिवर्सिटी, ने कहा की “योगानंद एक्सआर एंड एआर रिसर्च सेंटर अपने छात्रों को विकास, नवाचार और समग्र शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता के लिए एक वसीयतनामा के रूप में खड़ा है। प्रौद्योगिकी के दायरे को मिलाकर, केंद्र का उद्देश्य अगली पीढ़ी के दूरदर्शी नेताओं और नवप्रवर्तकों का पोषण करते हुए, XR, AR और AI के क्षेत्र में क्रांति लाना है। योगानंद एक्सआर एंड एआर रिसर्च सेंटर एआर, वीआर और एआई के क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं के लिए छात्रों को अद्वितीय प्रदर्शन प्रदान करने के लिए तैयार है। अत्याधुनिक एक्सआर उपकरणों से लैस, जिसमें क्वेस्ट वीआर, हैप्टिक्स और बॉडी मोशन ट्रैकर्स शामिल हैं, उच्च अंत कंप्यूटरों के साथ शक्तिशाली जीपीयू का दावा करते हुए, केंद्र को छात्रों को सीखने का एक व्यापक अनुभव प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
हमीरपुर शहर के वार्डाें व बाजारों को सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद ने कवायद शुरू कर दी है। शहर में सफाई व्यवस्था ठीक करने के लिए 11 वार्डों में नए ठेकेदारों को सफाई का जिम्मा सौंपा गया है। इन ठेकेदारों व सफाई कर्मचारियों ने वार्डों व बाजारों की साफ-सफाई करना शुरू कर दिया है। गर्मियों के दिनों में शहर में लग रहे गंदगी के ढ़ेर लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इसी के चलते नगर परिषद हमीरपुर ने अब सफाई का जिम्मा नए ठेकेदार को दिया है। सभी वार्डों से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों में जीपीएस व लाउड स्पीकर लगाया गया है। गाड़ी चालाक शहर के वार्डों व बाजारों में गाना बजाकर लोगों को जागरूक करेंगे। वहीँ जीपीएस से वार्ड पार्षद व नगर परिषद के कर्मचारी सहित जोड़ा जाएगा, जिससे पता चल पाएगा कि कूड़े की गाड़ी वार्डों में जा रही है या नहीं। नगर परिषद अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने बताया कि नए ठेकेदारों को सफाई का जिम्मा सौंपा गया है। सभी वार्डाें की कूड़े की गाड़ी में जीपीएस व लाउड स्पीकर में गाना बजाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। सभी ठेकेदार अपने कार्य में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि एक या दो दिनों में ठेकेदारों के साथ बैठक करके शहर की सफाई व्यवस्था के बारे में अवगत करवाया जाएगा।
अग्निपथ योजना के तहत पहली बार अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन धर्मशाला में किया जाएगा। कांगड़ा और चंबा जिले से संबंध रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए इस बार 16 जून से 25 जून तक साई मैदान और इंडोर स्टेडियम धर्मशाला में अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। यह जानकारी डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने उपायुक्त कार्यालय के सभागार में भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। रैली में लगभग सात से आठ हजार युवा भाग लेंगे। दस दिन तक चलने वाली इस भर्ती रैली में प्रतिदिन करीब 750 से 800 युवा रैली स्थल में पहुंचेंगे। उपायुक्त ने भर्ती रैली के सफल आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां सुनिश्चित की। उन्होंने आने वाले प्रतिभागियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी बंदोबस्त करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। एसडीएम होंगे नोडल अधिकारी डीसी ने कहा कि भर्ती रैली के प्रबंधों के लिए एसडीएम धर्मशाला को नोडल अधिकारी तथा तहसीलदार धर्मशाला को ड्यूटी मेजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि एसडीएम धर्मशाला भर्ती कार्यालय के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियों को समय से पूर्व करवाना सुनिश्चित करेंगे। बस स्टैंड से रैली स्थल तक होगी शटल सेवा डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि भर्ती रैली सुबह 5 बजे शुरू होगी, इस दौरान अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर समय से पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इसलिए धर्मशाला बस स्टैंड से रैली स्थल तक सुबह-सुबह शटल सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने एचआरटीसी को धर्मशाला बस स्टैंड से रैली स्थल तक केवल सुबह-सुबह शटल सेवा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। इसके लिए अभ्यर्थियों को साधारण बस किराया स्वयं देना होगा। फुटबॉल मैदान में होगी गाड़ियों की पार्किंग उपायुक्त ने भर्ती रैली के दौरान कानून और यातायात व्यवस्था के लिए एएसपी धर्मशाला को आवश्यक कदम उठाने के दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि एचपीसीए स्टेडियम के सामने बने फुटबॉल मैदान में भर्ती रैली में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान रैली में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की भीड़ को नियंत्रित करने और ट्रैफिक व्यवस्था के संचालन के लिए पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे। साई में ग्राउंड तथा इंडोर में होगा मेडिकल अग्निवीर भर्ती में भाग लेने वाले युवाओं का पहले साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के मैदान में ग्राउंड टेस्ट लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्राउंड को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों का मेडिकल इंडोर स्टेडियम में होगा। इससे पहले भर्ती कार्यालय पालमपुर के निदेशक कर्नल मनीष ने धर्मशाला में होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के संबंध में जानकारी रखी। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वचालित है और यह युवाओं से एक अपील है कि वे खुद पर विश्वास करें और कड़ी तैयारी करें और किसी भी दलाली गतिविधि का शिकार न हों। साथ ही रैली के दौरान प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं का उपयोग करने से बचना चाहिए।
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक और पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने आज शिमला में प्रदेश पर्यटन विभाग निगम की बैठक की अध्यक्षता निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ की। बाली ने कहा कि वह हिमाचल के पर्यटन को देश भर में सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने भी बार-बार कहा है कि कांगड़ा जिले को हिमाचल की पर्यटन राजधानी बनाना है और हम ऐसा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने आगे कहा कि रोजगार उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हम हिमाचली सिर्फ हिमाचल में रहते नहीं हैं, हम इसे जीते हैं। हिमचालियत हमारे लिए जीवन जीने का एक तरीका है और हमें यह अनुभव देश-विदेश के सभी पर्यटकों को देना चाहते हैं। अपनी रोज़गार संघर्ष यात्रा के बारे में बात करते हुए उनका कहना है कि लोगों को रोज़गार देना सुक्खू सरकार की प्राथमिकता है और बाली का पर्यटन विभाग इसमें अपनी पूरी क्षमता से योगदान देगा। बाली होटल, आइस स्केटिंग रेंज, गोल्फ कोर्स और अन्य चीजें बनाने की योजना बना रहे हैं। उनका मानना है कि इससे न केवल प्रदेश में पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि रोजगार भी पैदा होगा।
निरमंड उपमंडलाधिकारी कार्यालय के बाहर मंगलवार को किसान सभा सीपीआईएम इकाई निरमंड के बैनर तले निरमंड ब्लॉक में सड़कों व बसों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन को किसान सभा निरमंड ब्लॉक के अध्यक्ष देवकी नंद, किसान सभा जिला सचिव पूरण ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत राहणू तेज राम, प्रधान ग्राम पंचायत घाटू भोगा राम, टीपू, पूर्व पंचायत ग्राम पंचायत भालसी राधा देवी व कश्मीरी लाल ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि निरमंड ब्लॉक में सड़कों की बहुत ही खस्ताहालत है, सड़कों में गड्ढे ही गड्ढे दिखते हैं, जिससे कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। उन्होंने कहा कि बसों की भी कमी है, आज भी कई क्षेत्र हैं जहाँ बसें नही जा रही हैं जिससे कि लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को बसे ना चलने से भी लोग दुखी हैं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दो को लेकर उपमंडलाधिकारी निरमंड के साथ भी आज बैठक हुई, जिसमें अड्डा प्रभारी निरमण्ड व थाना प्रभारी निरमण्ड भी मौजूद रहे।बैठक में इन मुद्ददों पर चर्चा हुई। इस बैठक मे कुछ मुद्दों पर विभाग ने माना कि जो बस रामपुर से कांडा कतमोर तक जाती थी, वह बस आजकल बांदल तक ही जाती थी, वह बस आज से ही कंडा कतमोर जाएगी। डमेहली बस जो अरसू तक जाती थी, वो बस भी आज से ही चुनागही तक जाएगी। क्योंकि आगे सड़क का काम चला है। शिमला से शरशाह निजी बस जो कि आजकल उरटू तक ही जाती थी वो बस भी आज से शरशाह तक चलने का आश्वासन दिया गया। कुण्डकोड ठारवा बस एक सप्ताह के अंदर चलाई जाएगी।
परवाणू से कुमारहट्टी एनएच से जुड़े मुददों को लेकर धर्मपुर रेस्ट हाउस में विधायक कसौली विनोद सुल्तानपुरी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डीसी सोलन मनमोहन शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में फोरलेन निर्माण के कारण लोगों को पेश आ रही समस्याओं व मांगों को लेकर परवाणू से लेेकर कुमारहट्टी तक के लोगों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों को सामने रखा। विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि फोरलेन पर दुर्घटनाओं के मद्देनजर ईएसआई परवाणू को एनएच से जोड़ा जाना समय की मांग है, इसलिए इस दिशा में जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं। विधायक ने लोगों की मांग पर कामली से परवाणू रोड के मोड़ों को चौड़ा करने के लाेनिवि कसौली को भी निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई को निर्देश दिए कि फोरलेन निर्माण के दौरान ग्रामीण रास्तों, पेयजल स्त्रोतों, बावड़ियों, हैंडपंप व लोगों की जमीनों को हुए नुकसान को जल्द दुरूस्त करें। फोरलेन निमार्ण से जहां ग्रामीणों की जमीनें धंस चुकी है, लेकिन उन्हें मुआवजा तक नहीं मिला है। एनएच पर ओवर ब्रिज, फुटपाथ, रिटेनिंग वॉल, शौचालयों, वर्षा शालिकाएं, चौराहों पर क्रॉसिंग की व्यवस्था आदि का प्रविधान न होने से दुर्घटनाओं का अंदेशा लगा रहता है। उन्होंने परवाणू, दत्यार, कोटी, जाबली, नंदे का थड़ा, सनवारा, धर्मपुर व कुमारहट्टी में फोरलेन के बाद लोगों को पेश आ रही समस्याओं के जल्द निराकरण करने के लिए भी एनएचएआई को निर्देश दिए। वहीं कुमारहट्टी के नजदीक सीसे स्कूल डगशाई को जाने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाए। परवाणू से कुमारहट्टी के बीच आबादी वाले कस्बों में सर्विस लेन की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उसके बाद उन्होंने लोगों की जनसमस्याओं को भी सुना और उनके निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में एनएचएआई शिमला से अचल जिंदल, एसडीएम कसौली गौरव महाजन, एसडीएम सोलन कविता ठाकुर, डीएफओ सोलन कुनाल अंगिरस, नायब तहसीलदार कसौली अशोक सराओ, बीडीओ धर्मपुर मुकेश कुमार, बीडीओ सोलन रजनी गौतम, लोनिवि कसौली के एक्सईएन रंजन गुप्ता, एसडीओ विशाल भारद्वाज, जलशक्ति विभाग धर्मपुर के एसडीओ भानू, कसौली ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, धर्मपुर पंचायत के पूर्व प्रधान महेश गुप्ता, अन्हेच के प्रधान मोहनलाल समेत अनेकों क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि व लोग मौजूद रहे।
मंगलवार सुबह 11:00 बजे बिहार विधानसभा की याचिका समिति तथा झारखंड विधानसभा की आवास समिति हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय पहुंची। इस अवसर पर उप निदेशक (लोक सम्पर्क एवं प्रोटोकॉल) विधानसभा हरदयाल भारद्वाज ने समितियों को अवगत करवाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा उच्च तकनीक युक्त पेपरलेस विधानसभा है। उन्होंने कहा कि अब हम ई-निर्वाचन क्षेत्र प्रबंधन तथा ई-समिति व विधायकों के लिए मोबाईल ऐप जैसी आधूनिक ई-प्रणाली पर कार्य कर रहे है। समितियों ने सदन का अवलोकन भी किया तथा सदन मे स्थापित देश की सर्वप्रथम ई-विधान प्रणाली की जानकारी हासिल की। समितियों ने ई-विधान प्रणाली तथा ई-निर्वाचन क्षेत्र प्रबंधन के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया को बधाई दी तथा सदन के रख रखाव की भरपूर प्रशंसा की।
धरोहर गांव गरली के खन्ना गांव स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में गत दिवस से चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान आचार्य भगवतस्वरूप महाराज ने कहा कि संसार में मात्र सुख का आभास है, लेकिन वास्तव में सुख नहीं है। आचार्य ने कहा सुख का सच्चा केंद्र मात्र भगवान के चरणों में है, संसार में नहीं। उन्होंने एक कथा का वृतांत सुनाते हुए कहा कि एक बार एक गुरु और उनका शिष्य कुएं में पानी पीने गए, तभी अचानक शिष्य की नज़र कुएं में दिख रहे एक बहुत सुंदर हार पर पड़ी। उस शिष्य ने उस हार को निकालना चाहा, लेकिन वो नहीं निकला। तभी गुरु ने उस शिष्य को पेड़ की तरफ इशारा करते हुए कहा कि वो देखो वो हार उस पेड़ पर है, जिसकी परछाई तुम्हें कुएं में दिख रही है। लेकिन वास्तव में वह सुंदर हार पेड़ पर टंगा है कुएं में नहीं है। उसी तरह सांसारिक सुख भी इसी हार की परछाई की तरह है,वास्तव में सुख है नहीं, मात्र आभास है और सच्चा सुख भगवान के चरणों में ही है। कथा के दौरान बीच बीच में आचार्य जी द्वारा भजन कीर्तन भी किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र भर के काफी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल ने कहा कि सामाजिक कल्याण सुक्खू सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मजबूत नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही ही। सरकार का गांव, गरीब, असहायों को संबल व आश्रय देने, सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रदेश में बुनियादी ढांचे के विकास पर फोकस है। किशोरी लाल बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के बीड़ में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में मंगलवार को स्वर्गीय न्यायाधीश मेहर चन्द महाजन ट्रस्ट द्वारा आयोजित चार दिवसीय आंखों की चेकअप के निशुल्क कैम्प का शुभारंभ करते हुए बोल रहे थे। इस कैंप में 7 से 18 साल तक के सरकारी स्कूल के बच्चों, कारीगरों, बुनकरों, चाय बीनने वालों तथा उनके परिवारों के लिए आंखों की चेकअप की निशुल्क सुविधा उपलब्ध है। मुख्य संसदीय सचिव ने आंखों को ईश्वर का अनमोल उपहार बताते हुए उनकी उचित देखभाल करने तथा समय समय पर चेकअप कराते रहने की आवश्यकता पर बल दिया। किशोरी लाल ने विद्यार्थियों से एकाग्र मन के साथ शिक्षा ग्रहण करने के साथ साथ अपनी सेहत का भी पूरा ध्यान रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा ही भविष्य का उन्नत प्रदेश व देश बनाएंगे। ऐसे में बच्चों का, युवाओं का शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया वे आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और अपनी लोक संस्कृति को भी अपनाएं। उन्होंने छात्रों से नशे से सदैव दूर रहने की अपील की। इससे पहले मैनेजिंग ट्रस्टी विवेक महाजन व ट्रस्ट के सदस्यांे ने मुख्य संसदीय सचिव को शाल, टोपी व समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। प्रथम दिन शिविर में करीबन 150 बच्चों की आखों का निशुल्क चेकअप किया गया। 25 बच्चों को चश्मे वितरित किए गए। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, पैराग्लाइडिंग एसासिएशन के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, प्रदेश एससी सेल के उपाध्यक्ष रविंद्र बिट्टू , युवा कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र राव, प्रधान बीड़ सुरेश ठाकुर , ब्लॉक कांग्रेस जनरल सेक्टरी विकास राणा, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, सी आई कनवीनर टूरिज्म हरमीत, मैनेजिंग ट्रस्टी विवेक महाजन, अनुश्री महाजन , डीएसपी बैजनाथ पूर्ण चन्द, बीडीओ बैजनाथ राकेश पटियाल, प्रिंसीपल सीनियर सेकेंडरी स्कूल मुक्ता टंडन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां जगत एंटरटेनमेंट कंपनी द्वारा निर्मित एल्बम 'जोगिया' का विमोचन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने एलबम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हिमाचली कलाकारों की कला और प्रदर्शन को दुनियाभर में सराहा जा रहा है और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिल रही है। उन्होंने कहा कि एल्बम में शामिल सभी कलाकार हिमाचल प्रदेश के हैं और इस अवसर ने उन्हें अपनी असाधारण प्रतिभा दिखाने का मौका दिया। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संगीत में हिमाचली परंपराओं और मूल्यों को शामिल करने के महत्व पर जोर दिया, क्योंकि यह युवा पीढ़ी को हिमाचली संस्कृति को बढ़ावा देने के अलावा 'देवभूमि' की सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानने में सक्षम बनाता है। उन्होंने किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को जीवन में चुनौतियों का सामना करने और आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। इससे पहले कंपनी के सीएमडी जगत गौतम ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री, अनिरुद्ध सिंह, मुख्य संसदीय सचिव, संजय अवस्थी, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री, दीपा दास मुंशी, विधायक, केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के ओएसडी, गोपाल शर्मा, कांग्रेस नेता, विवेक शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त इस अवसर पर शिमला शिवम प्रताप सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटिड से प्राप्त सूचना के अनुसार 20 मई को आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत के दृष्टिगत सोलन के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी प्रदेश विद्युत बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि इसके दृष्टिगत 20 मई को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक शामती, क्वागड़ी, धराजंटी, बागड, चिल्लां, डमरोग, बलाना, खुंडीधार, सूर्य विहार, बी.एस.एन.एल कालोनी, आयकर कार्यालय एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति अथवा किसी अन्य अपरिहार्य कारणों से उपरोक्त तिथि व समय में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
बद्दी स्थित भारत सरकार के केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट) पांच वर्ष से हिमाचल प्रदेश में प्लास्टिक के क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहा है, जिससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। पिछले कल प्रदेश सरकार के तकनीकी विभाग के सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने सिपेट का दौरा किया। उन्होंने सिपेट में चल रहे रहे विभिन्न कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम, दीर्घकालिक डिप्लोमा पाठ्यक्रम एवं तकनीकी सेवाएं गतिविधियों का मुआयना किया। इसके बाद सिपेट के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों की बैठक ली। वहीं, सिपेट के निदेशक एवं प्रमुख डॉ. यूपी सिंह ने सचिव का स्वागत करते हुए सिपेट की गतिविधियों से अवगत कराया। डॉ. सिंह ने सचिव को विभिन्न क्षेत्रों में प्लास्टिक के उपयोग के विषय में जानकारी दी। सचिव ने सभी को संबोधित करते हुए सिपेट की शैक्षणिक एवं तकनीकी सेवाओं की सराहना की। उन्होंने सिपेट में प्रदेश के युवाओं के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रसंशा करते हुए छात्रों को दैनिक प्रशिक्षण के अतिरिक्त सॉफ्ट स्किल्स, सामान्य ज्ञान, स्वास्थ्य और समग्र व्यक्तित्व विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। सिपेट केंद्र प्रमुख ने सचिव से प्रदेश के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति का प्रावधान करने का अनुरोध किया, ताकि हिमाचल प्रदेश के वंचित छात्रों को सिपेट में दीर्घकालिक डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश का अवसर मिल सके। इस अवसर पर आईटीआइ नालागढ़ से प्रिंसिपल अजीत शर्मा और आईटीआई पट्टा मेहलॉग से प्रिंसिपल नवनीत कुमार भी उपस्थित रहे।
जिला सोलन के जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में वर्ष 2023-24 में कक्षा 11वीं लेटरल एंट्री के लिए प्रवेश हेतु चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई है। विद्यालय प्राचार्य के के यादव ने बताया कि विद्यार्थी नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट पर आवेदन फार्म भर सकते हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का जिला सोलन के सरकारी, सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालय शैक्षणिक सत्र 2023-24 में कक्षा 10वीं में अध्यनरत अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तिथि 22 जुलाई निर्धारित की गई है। इस परीक्षा के लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जो जिला सोलन में निवास कर रहे हो व अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 जून 2006 से 31 जुलाई 2008 के मध्य होनी चाहिए।
प्रदेश सरकार की लोगों को घर-द्वार के नजदीक बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध करवाने की पहल के तहत इंदौरा उपमंडल की बडूखर पंचायत में मंगलवार को प्रात: 10 बजे प्रशासन जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता विधायक मलेंद्र राजन ने की। कार्यक्रम एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर व सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पहले चरण में विकास खंड की चार पंचायतों बडूखर, भोग्रवां, पलाखी तथा सुरड़वां के लोगों की समस्याओं को सुनने के साथ उनका निपटारा सुनिश्चित किया गया। लगभग 150 लोग अपनी समस्याओं को लेकर विधायक व विभाग के समक्ष पहुंचे थे। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि प्रशासन द्वारा इस दौरान इंतकाल के लंबित मामलों, राहत राशि के वितरण सहित अन्य राजस्व मामलों का भी समाधान किया गया। इस मौके पर जन्म एवं मृत्यु और बीपीएल आदि प्रमाणपत्र भी जारी किए गए। कार्यक्रम में पात्र लोगों के सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मामलों व अन्य विभागीय समस्याओं का अधिकारियों द्वारा निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग द्वारा पेयजल के नमूनों की भी जांच सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम में न्यायालय में लंबित मामलों को शामिल नहीं किया गया। विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि कार्यक्रम में शामिल पंचायतों के लोग सुबह 9 बजे से आयोजन स्थल पर अपना पंजीकरण करवाया, जिसके बाद व 11 बजे पहुंच कर लोगों की समस्याएं सुन निवारण की प्रक्रिया शुरू की गई। विधायक ने संबंधित पंचायतों के लोगों से इस कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त किया । विधायक ने बताया कि 150 के करीब समस्याओं को लेकर लोग हमारे पास आए थे, जिनमें से अधिकांश समस्याओं का समय पर ही हल कर दिया गया व बाकी समस्याओं को जल्द से जल्द हल करने के लिए विभाग को निर्देश दे दिए गए हैं। कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया (मालटू), देवेंद्र मनकोटिया, कमल किशोर, भोपाल कटोच, एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा व थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा, रेंज अफसर रे चैन सिंह, एक्सईएन बिजली विभाग अमन चौधरी, जसवीर कटोच, प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप विमान, बीएमओ इंदौरा संदीप महाजन, एसडीओ पीडब्ल्यूडी सिकंदर पठानिया, एसडीओ जल शक्ति विभाग महिंद्र सिंह, एक्सईएन शाह नहर दलेर सिंह, नायब तहसीलदार गगन सिंह, विशाल ठाकुर, संदीप कटोच व अन्य विभागीय अधिकारी व समस्त जनता मौजूद रही।
उद्योग, संसदीय कार्य तथा आयुष मंत्री हर्षवर्धन चैहान ने आज स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल के साथ सोलन विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ममलीग के जखड़ीयूं गांव में औद्योगिक क्षेत्र के लिए चयनित भूमि का निरीक्षण किया और अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्र के विकास के संबंध में उचित दिशा-निर्देश जारी किए। उद्योग मंत्री तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने इससे पूर्व बशील स्थित कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना की तथा सभी के सुखद जीवन की कामना की। हर्षवर्धन चैहान ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में स्थापित औद्योगिक क्षेत्र के साथ नवीन औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए प्रयासरत है। इसके लिए प्रदेश के ज़िलों में क्षमता के अनुसार नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि बैंक तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला को पूरे देश में औद्योगिक विकास के लिए जाना जाता है। राज्य सरकार ज़िला में नए औद्योगिक क्षेत्रों का विकास इस प्रकार कर रही है कि एक ही स्थान पर उद्योग विशेष की विभिन्न आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके। उद्योग मंत्री ने कहा कि कण्डाघाट उपमण्डल की ग्राम पंचायत ममलीग के जखड़ीयूं गांव में 99 बीघा भूमि औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए चिन्हित है। उन्होंने कहा कि यहां पूर्व में 12 औद्योगिक प्लाॅट आबंटित किए गए थे। किंतु काफी समय के उपरांत भी यहां किसी भी प्रकार का औद्योगिक कार्य आरम्भ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इन आंबटन को अब निरस्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग जखड़ीयूं स्थित औद्योगिक क्षेत्र का नवीन सर्वेक्षण करेगा ताकि इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान की जा सके। हर्षवर्धन चैहान ने कहा कि कण्डाघाट क्षेत्र में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को समर्पित औद्योगिक केन्द्र विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर रोज़गार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निजी एवं उद्योग क्षेत्र का समुचित लाभ उठाना आवश्यक है। इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार राज्य में नवीन औद्योगक क्षेत्र के विकास की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि उद्योग विशेष को समर्पित औद्योगिक क्षेत्र जहां युवाओं को बेहतर रोज़गार प्रदान करने में सक्षम होंगे वहीं समूचे क्षेत्र की आर्थिकी को सम्बल भी प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार उद्योगपतियों को हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करवाएगी। डाॅ. शांडिल ने इस अवसर पर कहा कि सोलन ज़िला में नए औद्योगिक क्षेत्र का विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला में औद्योगिक क्षेत्रों के विकास के लिए उचित पर्यावरण, स्वच्छ वातावरण और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि जखड़ीयूं के साथ-साथ कण्डाघाट, कुनिहार एवं अन्य क्षेत्रों में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने पर बल दिया जाएगा। श्रम एवं रोज़गार मंत्री ने कहा कि युवाओं को रोज़गार के साथ-साथ स्वरोज़गार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए ऐसे व्यवसायिक पाठ्यक्रम आरम्भ करने पर बल दिया जा रहा है जो वर्तमान आवश्यकताओं को पूर्ण करने में सक्षम हों। उन्होंने कहा कि ऐसे पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के कौशल को बेहतर तरीके से निखारा जा सकता है।
बाहरा यूनिवर्सिटी वाकनाघाट में मंगलवार को दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार विनीत कुमार द्वारा किया गया। इस शिविर में हिमाचल प्रदेश सरकार शिमला डेंटल कॉलेज चिकित्सकों की एक टीम और डेंटल कॉलेज, सार्वजनिक स्वास्थ्य दंत चिकित्सा विभाग की टीम ने मुफ्त दंत चिकित्सा शिविर व जागरूकता का आयोजन भी किया गया। शिविर में एचपी प्रोफेसर, डॉ. विनय कुमार भारद्वाज, डॉ. गौशिनी और डॉ. नीतिका के नेतृत्व में वरिष्ठ दंत यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर में कैंप 14 पैरामेडिकल स्टाफ के साथ डेंटिस्ट की टीम ने फैकल्टी स्टाफ और छात्रों के लिए व्यापक डेंटल चेकअप किया। शिविर में बहाली, निष्कर्षण, स्केलिंग, दंत जागरूकता वार्ता, छात्रों को सामान्य दंत रोगों के बारे में शिक्षित करना - विशेष रूप से दांतों की सड़न और मसूड़ों की बीमारियों पर जोर देना और उन्हें रोकने के उपाय शामिल थे। छात्रों को खाने के पैटर्न और भोजन के विकल्पों के बारे में जागरूक किया गया, जिससे दांत खराब हो सकते हैं। युवा छात्रों को अपने मौखिक स्वास्थ्य और अच्छी मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के बारे में पूछताछ करने और ज्ञान प्राप्त करने के लिए दंत चिकित्सकों के साथ बातचीत करने का मौका मिला। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार विनीत कुमार, ने बताया कि इस शिविर में लगभग शिविर में 90 छात्रों और 45 स्टाफ सदस्यों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। शिविर में. श्रीपद मार्कंडेय, डीन एकेडमिक अफेयर्स, बाहरा यूनिवर्सिटी ने सफल डेंटल चेकअप के लिए टीम को धन्यवाद दिया और डॉ. कपिल सेठी, एपी सीएसई/एनसीसी प्रभारी/एनएसएस प्रभारी बाहरा विश्वविद्यालय ने शिविर का समन्वय और आयोजन किया। हरबंस लाल, निदेशक प्रशासन, बाहरा यूनिवर्सिटी व इंजी. विवेक शर्मा, एचओडी ईसीई, बाहरा यूनिवर्सिटी मौजूद रहे।
निदेशक परिवहन विभाग, अनुपम कश्यप, ने आज यहां बताया कि परिवहन विभाग द्वारा वाहनों के लिए अपनी पसंद के विशेष फैंसी नंबर (पंजीकरण चिन्ह) जारी करने के लिए संशोधित ई-ऑक्शन प्रणाली 16 मई, 2023 से पुनः आरंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विभाग को ई-ऑक्शन प्रणाली में संशोधन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे, ताकि भविष्य में कोई भी शरारती तत्व संशोधित प्रणाली के साथ छेड़छाड़ न कर सके। उन्होंने बताया कि शुरुआती चरण में संशोधित प्रणाली को बैजनाथ और शिमला पंजीकरण प्राधिकरण में आरंभ किया जाएगा। इसके सफल परीक्षण के उपरांत आगामी दिनों में संशोधित प्रणाली को प्रदेश के अन्य सभी प्राधिकरणों में शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा वाहनों के विशेष नंबर जारी करने के लिए अपनाई गई ई-ऑक्शन प्रणाली में कुछ त्रुटियां सामने आयी थीं, जिसमें कुछ मामलों में सफल बोलीदाता द्वारा लगाई गई बोली की राशि जमा नहीं करवाई जाती थी और ये विशेष नंबर निचले बोलीदाता द्वारा कम राशि में प्राप्त किए जाते थे। ऐसे कारणों से विभाग द्वारा ई-ऑक्शन प्रणाली को निलंबित कर दिया गया था।
भारतीय सेना की डोगरा रेजिमेंट की 20वीं बटालियन के समस्त अधिकारियों एवं जवानों ने स्वेच्छा से शक्ति पीठ माता ज्वालाजी के मंदिर में स्मृति चिन्ह के रूप में पीतल धातु क़ी लगभग 400 किलोग्राम क़ी एक जोड़ी शेरों की स्थापित क़ी। स्मृति चिन्ह की स्थापना के समय 20 डोगरा के कमान अधिकारी कर्नल एस. भनोट, सूबेदार मेजर दारा सिंह और समस्त जवान उपस्थित रहे। कमान अधिकारी ने ज्वालाजी क़ी प्रबंधन समिति को उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को सेना द्वारा प्रसाद बांटा गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पबीयाना व आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ में आयोजित खंड स्तरीय गणित ओलंपियाड एवं विज्ञान में विभिन्न प्रतियोगिताओं में छोग टाली स्कूल का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। विद्यालय की कुमारी कनिका ने जहां गणित ओलंपियाड में प्रथम स्थान पाया, वहीं कनिका व आरुशी की जोड़ी ने विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गर्जन व लवीश ने गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार पर कब्जा किया। इसके अतिरिक्त कनिष्ठ वर्ग मे अश्वनी ठाकुर ने गणित प्रतियोगिता में विद्यालय के लिए द्वितीय पुरस्कार अर्जित किया। विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए विद्यालय प्रशासन विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष देश राज ठाकुर तथा ग्राम पंचायत प्रधान अंजना ठाकुर ने गणित शिक्षक सुरेश चौहान व विज्ञान स्नातक शिक्षिका अलका भलेईक की भरपूर प्रशंसा की तथा आशा व्यक्त क़ी कि इस परिणाम से अन्य विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी। कार्यकारी प्रधानाचार्य ने बताया कि दूर दराज के इस विद्यालय में विद्यालय शैक्षणिक गतिविधियों के अतिरिक्त खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी उम्दा प्रदर्शन करते हैं।
सालवाला पंचायत में पूर्व विधायक किरनेश जंग का पहुंचने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया पूर्व विधायक ने गांव के लोगों की समस्याएं सुनीं और मौके पर निपटारा भी किया। इस दौरान पूर्व विधायक ने उन स्थान का भी दौरा किया जहां पर सड़कें और पानी की समस्या उत्पन्न हो रही थी। पूर्व विधायक ने मीडिया के कैमरे उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब में अनेकों समस्याएं थीं, जिनका निराकरण करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में सड़कें बिजली पानी की समस्या से लोगों को बहुत ही परेशानियां 5 साल झेलनी पड़ी। लोगों की इन सभी समस्याओं को देखते हुए गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान करने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में भी शुक्रवार और सोमवार को सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनी जा रही हैं और मौके पर निपटारा किया जा रहा है। इसके अलावा स्थानीय युवाओं को उद्योगों में रोजगार देने का प्रयास भी किया जा रहा है, ताकि युवा रोजगार पा सकें।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार देर सायं यहां ऊर्जा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में हिमाचल प्रदेश की हिस्सेदारी बढ़ाने के उद्देश्य से नई ऊर्जा नीति बनाने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नीति के तहत भविष्य में मुफ्त बिजली रायल्टी में मोहलत का प्रावधान पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा और पूर्व में दी गई छूट को समाप्त करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को पहले 12 वर्ष तक 15 फीसदी, अगले 18 वर्ष तक 20 फीसदी और इससे अगले 10 वर्ष तक 30 फीसदी हिस्सा देने का प्रावधान होगा। अभी तक पहले 12 वर्ष के लिए 12 फीसदी, अगले 18 वर्ष के लिए 18 फीसदी और इससे अगले 10 वर्ष के लिए 30 फीसदी का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की लागत वसूल हो गई है, उनमें राज्य की हिस्सेदारी बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे तथा इसके लिए केंद्र सरकार और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों से पत्राचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य की जलविद्युत परियोजनाओं के लिए सरकार की नीति के अनुसार जमीन चालीस वर्ष के पट्टे पर दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जल विद्युत परियोजनाओं की स्थापना के लिए पूर्व-कार्यान्वयन और कार्यान्वयन समझौतों पर हस्ताक्षर नहीं करने के लिए केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों को गंभीरता से लिया और ऊर्जा विभाग को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलविद्युत परियोजनाओं के निर्माण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र देने की प्रक्रिया को सरल बनाने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 11149.50 मेगावॉट क्षमता की 172 जलविद्युत परियोजनाएं कार्यशील हो चुकी हैं, जबकि 2454 मेगावाट क्षमता की 58 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के विभिन्न उपक्रमों के माध्यम से निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो और ऊर्जा विभाग को इनकी निगरानी के लिए तंत्र विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के निर्माण में देरी से प्रदेश के राजस्व को नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा निदेशालय को सुदृढ़ किया जाएगा और विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए कृत्रिम मेधा (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का भी इस्तेमाल किया जाएगा। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, सचिव ऊर्जा राजीव शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, निदेशक ऊर्जा हरिकेश मीणा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने आज राजभवन में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर शुक्ल ने उन्हें हिमाचली टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार देर सायं जिला ऊना के गगरेट विधानसभा क्षेत्र के जीतपुर बेहरी में प्रस्तावित इथेनॉल प्लांट के निर्माण की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार परियोजना में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी निवेश करने के लिए तैयार है और आश्वस्त किया कि इस संयंत्र को स्थापित करने के लिए सरकार निष्पादन कंपनी को पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। कंपनी ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव को निदेशक मंडल के समक्ष प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया। गौर रहे कि हिंदुस्तान पैट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) द्वारा 30 एकड़ भूमि पर लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से यह संयंत्र स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को भंजल से सम्पर्क सड़क के लिए 10 दिनों के भीतर भूमि अधिग्रहण कार्य शुरू करने का भी निर्देश दिया। साथ ही प्लांट के निर्माण में आने वाली सभी बाधाओं को दूर करने का भी आश्वासन दिया। कहा कि यह प्लांट स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करेगा और कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर जिला तथा पंजाब के निकटवर्ती जिलों के किसान अनाज आधारित इथेनॉल प्लांट से लाभान्वित होंगे। कंपनी के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को संयंत्र के लिए 20 एकड़ अतिरिक्त भूमि उपलब्ध करवाने के भी निर्देश दिये। विधायक चैतन्य शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में इथेनॉल परियोजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे गगरेट क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा और परिवहन उद्योग के लिए भी यह वरदान साबित होगा। बैठक में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक सुरेश कुमार, इंद्रदत्त लखनपाल, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, प्रधान सचिव उद्योग आरडी नज़ीम, निदेशक उद्योग राकेश कुमार प्रजापति, मुख्यमंत्री के ओएसडी गोपाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त ऊना महेंद्र पाल गुर्जर, एचपीसीएल के कार्यकारी निदेशक श्रीधर गौड़ उपस्थित थे।
भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से उनके दिल्ली निवास पर भेंट की। इस दौरान संजय टंडन और जगत प्रकाश नड्डा के बीच हिमाचल, हरियाणा, पंजाब एवं उत्तर क्षेत्र की राजनीतिक स्थितियों पर विस्तृत चर्चा की गई। संजय टंडन ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को अपनी पुस्तक सनरेज फॉर वेडनेसडे भी भेंट की। टंडन ने कहा यह हम सबके लिए हर्ष का विषय है कि 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार अपने 9 वर्ष पूर्ण कर रही है। 1 जून से 30 जून तक भाजपा संगठन द्वारा विभिन्न कार्यक्रम सभी जिला, मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ पर आयोजित किए जाएंगे तथा विशेष महा जनसंपर्क अभियान लोकसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार गरीब, शोषित एवं वंचितों के कल्याण हेतु समर्पित है। जहां देश का गौरव विश्व पटल पर लगातार बढ़ रहा है, वहीं सांस्कृतिक विरासत को प्राथमिकता के आधार पर प्रतिस्थापित होते हुए हम सब देख रहे हैं, आधारभूत संरचना को मजबूत करते हुए नए भारत के सपने को साकार कर रही है। इस अभियान के अंतर्गत पूरे देश में व्यापक जनसंपर्क, लाभार्थी संपर्क, समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क, वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क जैसे लोकसभा, विधानसभा एवं बूथ स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से "मोदी सरकार" की नीतियों एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
स्कूल ऑफ फिजियोथेरेपी द्वारा बाहरा यूनिवर्सिटी शिमला हिल्स में दो दिवसीय हैंड्स ऑन विभागीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला काइन्सियोलॉजी टेपिंग के बारे में थी जो बाल चिकित्सा, जराचिकित्सा, आर्थोपेडिक, न्यूरोलॉजिकल, ऑन्कोलॉजी और अन्य जैसे सभी कार्यक्रमों में पुनर्वास विशेषज्ञों द्वारा उपयोग किया जाने वाला एक उपकरण है और देखभाल के स्तर जैसे क्यूट केयर, इनपेशेंट रिहैबिलिटेशन, आउट पेशेंट, होम केयर और डे रिहैब। यह ज्यादातर फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा उपयोग किया जाता है। काइन्सियोलॉजी टेपिंग पद्धति पशुओं के उपचार में भी प्रभावी है। कार्यक्रम का उद्घाटन यूनिवर्सिटी के कुलसचिव विनीत कुमार ने किया। कार्यशाला का आयोजन फिजियोथेरेपी विभाग के एचओडी डॉ. कनिका सिंह (पीटी) के मार्गदर्शन में किया गया था, आयोजक डॉ. मेघा शर्मा (पीटी) क्लिनिकल थेरेपिस्ट थीं, और रिसोर्स पर्सन डॉ. बासुदेव राजभोर (पीटी) सहायक प्रोफेसर और एक प्रमाणित क्लिनिकल काइन्सियोलॉजी थे। कार्यक्रम में विभिन्न छात्रों ने भाग लिया और सीखा कि इस तकनीक का उपयोग करके अपने रोगियों को कैसे उपचार प्रदान किया जाए। यह हिमाचल प्रदेश के छात्रों को गुणवत्ता उपचार प्रदान करके फिजियोथेरेपी के भीतर विभिन्न क्षेत्रों का पता लगाने और समाज में एक बड़ा प्रभाव डालने में मदद करेगा।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा कार्यालय द्वारा पूर्व सैनिकों के आश्रितों के जेबीटी के 7 पदों के लिए साक्षात्कार 23 और 24 मई को बैच आधार पर निर्धारित किए गए हैं। उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा मोहिंद्र कुमार धीमान ने बताया कि साक्षात्कार का आयोजन नर्सरी मिडल स्कूल धर्मशाला में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा से संबंध रखने वाले पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 23 मई तथा अन्य जिलों के पात्र उम्मीदवार 24 मई को साक्षात्कार के लिए आ सकते हैं।
सिरमौर जिला के संगडाह उपमंडल में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया है। हादसे में 4 की मौत हो गई है, जिनमें दो महिलाएं व दो पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि हादसा सुबह करीब 5:00 बजे पेश आया है। मृतकों में एक दंपती भी शामिल है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक लानाचेता- राजगढ़ मार्ग पर पबौर के समीप मारुती कार 800 (HP 16 A 1721), जो कि राजगढ़ की तरफ जा रही थी, अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कमल राज (40), जीवन सिंह (63) व उसकी पत्नी सुमा देवी (54) निवासी गांव फागू दाहन (राजगढ़) व रेखा (25) गांव थनोगा राजगढ़ के रूप में हुई है। मृतकों में से 3 लोग एक ही गांव के रहने वाले हैं। उधर, संगडाह के डीएसपी मुकेश कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे हादसा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद नौहराधार चौकी व संगडाह थाने से पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस द्वारा मृतकों के शवों को रेस्क्यू करने का कार्य शुरू कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा।
शिमला नगर निगम के महापौर पद पर निर्वाचित सुरेंद्र चौहान और उप-महापौर उमा कौशल के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से आज सचिवालय में भेंट की। मुख्यमंत्री ने महापौर और उप महापौर को बधाई देते हुए कहा कि सभी पार्षदों को जनता की आशाओं एवं आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे। उन्हांेने कहा कि वह पार्षदों की विकासात्मक योजनाओं व समस्याओं के निवारण के लिए सदैव तत्परता से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि वह भी शिमला नगर निगम में 10 वर्ष तक पार्षद रहे हैं तथा इस शहर की समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला शहर की सड़कों के रखरखाव के लिए 10 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं और लोगों को स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार यूवी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने की योजना तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में बिजली की तारों को अंडरग्राउंड करने के लिए कार्य किया जाएगा। प्रदेश के विकास के दृष्टिगत तकनीक का इस्तेमाल सुनिश्चित किया जा रहा है। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के तहत उथड़ाग्रां पंचायत के रसेहड़ गांव में हुई सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वालों के अंतिम संस्कार में सम्मिलित हो कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने उनकी आत्मा की शांति की कामना की। उन्होंने श्री चामुंडा नन्दीकेश्वर धाम में जाकर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद कृषि मंत्री ने मृतकों के घर में जाकर परिवार के लोगों से संवेदनाएं प्रकट की। कृषि मंत्री ने दुर्घटना प्रभावित तीनों परिवारों से मिलकर ढांढस बांधा। उन्होंने परिवार के लोगों को इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आज वे शोकग्रस्त परिवारों को सरकार की संवेदनाएँ प्रकट करने आये हैं। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ घटी इस दुर्घटना से प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी काफ़ी आहत हुए हैं और उन्होंने गहरी संवेदनाएं और शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार विपदा ग्रस्त परिवारों के साथ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता ज़ाहिर की है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिये कि सरकार की जिस भी योजना का लाभ प्रभावित परिवारों को मिल सकता है, उसको उपलब्ध करवाया जाये। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 25 हज़ार प्रति व्यक्ति और गंभीर रूप से घायलों के लिए 10 हज़ार रुपये की फ़ौरी राहत उपलब्ध करवायी गई है। इसके अतिरिक्त परिवारों की सहायता के लिए जो भी संभव होगा सरकार वो करेगी।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद डॉ. राजीव बिंदल पहली बार 21 मई को जिला के आधिकारिक दौरे पर आ रहे हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और प्रदेश के नवनियुक्त संगठन मंत्री सिद्धार्थन भी डॉ राजीव बिंदल के साथ जिला के दौरे पर रहेंगे। जानकारी देते हुए भाजपा के जिला अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा व महामंत्री राजकुमार पठानिया ने बताया कि इस दौरान डॉ. राजीव बिंदल 21 मई को सुबह 9:30 बजे पार्टी के जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। मनोहर लाल शर्मा ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष के इस दौरे के दौरान पांचों विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी के प्रत्याशी रहे नेताओं के साथ-साथ जिला और पांचों मंडलों के सभी कार्यकारिणी पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से 21 मई को कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत करने का आह्वान किया। मनोहर लाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जन जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा विशेष अभियान शुरू कर रही है। जिसमें पार्टी के पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता तक सभी मिलकर जन जागरण अभियान का हिस्सा बनेंगे।
बैशाख कृष्ण पक्ष के जेष्ठ सोमवार को प्रशिद्ध प्राचीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में सैकड़ों लोगों ने शीश नवाकर अपने आराध्य का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर गुफा विकास समिति व शम्भू परिवार के सौजन्य से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समिति अध्यक्ष रामरतन तनवर व उपाध्यक्ष रितु ठाकुर ने बताया कि समिति व शम्भू परिवार की ओर से प्रशिद्ध प्राचीन शिव तांडव गुफा में समिति व शम्भू परिवार द्वारा क्षेत्र वासियो के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। दो दिवसीय रामचरित मानस कथा अखंड पाठ को हवन व पूर्णाहुति के साथ विराम दिया गया। गुफा में विराजमान प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शनों को काफी संख्या में लोग पहुंचे व शिवलिंग की पूजा अर्चना व अभिषेक कर शीश नवाकर अपने आराध्य का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर समिति उपाध्यक्ष रितु ठाकुर, सचिव जोगिंदर कंवर, कोषाध्यक्ष गुमान कंवर, आचार्य हेमंत शर्मा, मनोज भारद्वाज, जयपाल, कार्तिक, सोनू, दलीप ठाकुर आदि मौजूद रहे।
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत तहसील कार्यालय खुंडिया के समस्त कर्मचारियों ने सोमवार को जीपीएफ खाते खोलने केलिए आवेदन व नई पेंशन स्कीम से पुरानी पेंशन में आने के लिये एसओपी में दिये अनुबन्ध-॥य अनुबन्ध-।।। भरकर तहसीलदार आहरण व वितरण अधिकारी तहसील खुंडिया सुभाष कुमार के पास प्रस्तुत किए। बता दें कि सरकार द्वारा ओपीएस बहाली के फैसले के बाद हिमाचल के कर्मचारियों से आवेदन मांगे गए हैं, इसी संदर्भ में खुंडिया में इस प्रक्रिया को अंजाम दिया।


















































