The National Cricket Academy (NCA) is holding a camp for U-16 boys at various venues from April 17 to May 11, 2023, and players must report on April 16, 2023 (afternoon) at the camp location. The Himachal Pradesh Cricket Association (HPCA) has selected six players for the given camps: Naunihaal from Solan distt.: Mumbai venue (Team A), Anush Dhiman from Kangra distt.: Mumbai venue (Team A), Siddhak Dhillon from Bilaspur distt.: Surat venue (Team C), Aditya Kataria from Bilaspur distt.: Vijayawada venue (Team D), Akshay Vashisht from Solan distt.: Vijayawada venue (Team D) and Vaasta Garg from Hamirpur: Anantpur venue (Team E). HPCA will check the physical fitness of the above players before the camp at the HPCA Cricket Stadium in Dharamshala, and then they will be permitted to attend the camp.
प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना एवं सह प्रभारी संजय टंडन आज भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर पहुंचे। मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। शिमला नगर निगम चुनाव की दृष्टि से प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी संजय टंडन पार्टी मुख्यालय दीप कमल चक्कर में 90 सदस्य समिति की बैठक लेंगे।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा के जीव विज्ञान विभाग और एनसीसी यूनिट ने नदियों के लिए अंतरराष्ट्रीय एक्शन दिवस मनाया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जीव विज्ञान के विद्यार्थी और एनसीसी के कैडेट्स के साथ प्राचार्य डॉ स्वदीप सूद, एनसीसी अधिकारी राजीव ठाकुर, जीव विज्ञान विभाग विभागाध्यक्ष प्रोफेसर पितांबर सिंह और प्रोफेसर शर्मिता पठानिया बच्चों के साथ रहे। कार्यक्रम का आयोजन व्यास नदी के किनारे किया गया। बच्चों ने वहां साफ-सफाई की। प्राचार्य डॉ स्वदीप सूद ने नदियों के वजूद को जिंदा रखने के लिए इस दिन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नदियों का विकास में महत्व पर प्रकाश डाला और नदियों को स्वच्छ रखने के महत्व को भी साझा किया। प्रोफेसर राजीव ठाकुर ने कहा कि नदियां इतिहास से ही मानव सभ्यता के पालने रहे हैं और जितनी भी मानव सभ्यताएं हुई हैं, वे नदियों के किनारे की फली-फूली हैं। आज भी हमारा दायित्व है कि इस नदियों को बचाएं, तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रह पाएगा। प्रोफेसर पीताम्बर सिंह ने नदी प्रदूषण रोकने और जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला।
जय बालाजी ग्रुप ज्वालाजी का 54 सदस्यों का ग्रुप आज राज्यस्थान के धार्मिक स्थलों सालासर बालाजी, खाटू श्याम व मेहंदीपुर बालाजी के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा का 25वां जत्था है। ग्रुप संचालक व ग्रुप सदस्यों ने आज माता अष्टभुजा ज्वालाजी के मन्दिर में दर्शन व भोग प्रसाद व जयकारे लगाकर अपनी यात्रा को प्रस्थान किया। ग्रुप संचालक व सदस्यों हरीश कपूर, शुभम, शैंकी, नितिन, सौरभ, गौरव, विशाल, अजय परवान आदि ने बताया कि तीन दिन की राज्यस्थान की धार्मिक यात्रा का कार्य्रकम है, जिसमें सभी सदस्य सालासर बालाजी, मेहंदीपुर बालाजी व खाटू श्याम होकर वापिस ज्वालाजी पहुंचेंगे। हर वर्ष इस यात्रा को माता अष्टभुजा मंदिर ज्वालाजी से शुरू किया जाता है। हर बार यात्रा पर जाने वाले सदस्यों की संख्या बढ़ती रहती है। सभी सदस्य धार्मिक आस्था से जुड़े हुए हैं और यात्रा में भक्ति आस्था के साथ आपसी भाईचारे का संदेश देते हैं। वे माता ज्वालाजी का संदेश भी धार्मिक स्थलों पर देते हैं।
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 के.वी. वाकनाघाट फीडर के रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत उपमंडल सोलन के वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि 17 मार्च को प्रातः 9 बजे से दोपहर 5 बजे तक शुंगल, शालाघाट, अमोध होटल एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। मौसम खराब होने की स्थिति अथवा अन्य कारणों से उपरोक्त निर्धारित समय सारणी एवं निर्धारित तिथि में बदलाव किया जा सकता है।
उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा जिला किन्नौर अशोक नेगी ने बताया कि प्रशिक्षित स्नातक अध्यापकों की कला, गणित व विज्ञान विषयों की अनुबंध आधार पर भर्ती के लिए जिला के विभिन्न वर्गों के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 28 मार्च को उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा के कार्यालय में होना निश्चित हुआ है। उन्होंने बताया कि इस सन्दर्भ में रोजगार कार्यालयों से नाम मंगाए गए थे तथा पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु पत्र भेजे गये हैं। सभी पात्र अभ्यर्थियों से अनुरोध किया किया है कि वह 28 मार्च को प्रशिक्षित स्नातक अध्यापक विज्ञान, कला व गणित विषयों के साक्षात्कार हेतु प्रातः 11 बजे उप शिक्षा निदेशक प्रारंभिक जिला किन्नौर स्थित रिकांगपियो के कार्यालय में पहुंच जाएं। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से आवश्यक दस्तावेज व एक पासपोर्ट साईज फोटो लाना सुनिश्चित करने को कहा है।
भाजपा मंडल जसवां परागपुर के अध्यक्ष विनोद शर्मा ने अपनी माता स्व. जमना देवी एवं स्व. पिता रोशन लाल की याद में ग्राम पंचायत दोदूँ राजपूता (दोदूँ ब्राह्मणा) में पंचायत घर बनाने के लिए 1 कनाल भूमि दान की है। उन्होंने यह प्रक्रिया पंचायत सचिव महेश कुमार की उपस्थित में नायब तहसीलदार रक्कड़ एसपी शर्मा के माध्यम से पूरी की। हालांकि इस पंचायत घर के लिए पंचायत के प्रधान एवं उनके परिवार ने पहले भी ज़मीन दान कर दी थी, लेकिन अप्रिय कारणों से विभाग को वहां अपना भवन बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। विभाग के आग्रह पर आज विनोद शर्मा ने यह ज़मीन विभाग के नाम कर दी है। विनोद शर्मा ने कहा कि विभाग से आग्रह है कि अब सारी औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरा करें, ताकि पंचायत एवं जनता को इस भवन का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। इस भूमि को विभाग के नाम करवाने में आए खर्चे को जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष रमण शर्मा ने स्वयं वहन किया।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए लोगों से प्रत्येक स्तर पर सहयोग करने की अपील की है, ताकि युवाओं को नशे के चंगुल में फंसने से बचाया जा सकेे। राज्यपाल ने आज राजभवन में नशामुक्ति तथा नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक से संबंधित विषयों पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए पंचायती राज, शैक्षणिक संस्थानों, गैर सरकारी संगठनों, समुदाय आधारित संगठनों, अनुसंधान संस्थानों, विशेषज्ञों तथा आम नागरिकों द्वारा महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। नशे के विरुद्ध आमजन में जागरूकता लाने के लिए अन्य सामाजिक संगठनों के साथ पुलिस बल का कर्तव्य बेहद महत्वपूर्ण है। इसके अतिरिक्त, नशीले पदार्थों की तस्करी को समाप्त करने के लिए सीमावर्ती राज्यों के पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की जा सकती है, ताकि इस बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके।
हिमाचल विधानसभा का बजट सेशन मंगलवार को शुरू हो गया। सत्र के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ऑल्टो गाड़ी से विधानसभा पहुंचे। इस दौरान गाड़ियों का काफिला हमेशा की तरह उनकी ऑल्टो कार के आगे पीछे रहा। सेशन की शुरुआत के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने अपने मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों का परिचय कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने करसोग के पूर्व विधायक दिवंगत मनसा राम का शोकोद्गार प्रस्ताव सदन में लाया। वहीं हिमाचल विधानसभा में बजट सत्र के पहले ही दिन सदन में खूब हंगामा बरपा। भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने नियम 67 के तहत विधायक क्षेत्र विकास निधि रोकने को लेकर सदन में स्थगन प्रस्ताव लाया और इस चर्चा की मांग की। इस प्रस्ताव के बाद सदन में खूब हंगामा हुआ और विपक्ष ने सदन में वॉकआउट किया। विधानसभा स्पीकर ने विपक्ष के काम रोको प्रस्ताव को निरस्त किया। विपक्ष के प्रस्ताव पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि विपक्ष ने काम रोको का प्रस्ताव लाया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक क्षेत्र विकास निधि रोकने के लिए काम रोको प्रस्ताव की जरूरत नहीं बल्कि इस पर चर्चा मांगी जा सकती थी।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के प्रथम दिन भोजनावकाश के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ओक ओवर में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिनिधिमंडलों तथा लोगों से भेंट की और जन शिकायतों का निवारण किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के सचिव जगदीश रेड्डी की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के परिचालक संघ ने मुख्यमंत्री से भेंट की और परिचालकों की विभिन्न समस्याओं व मांगों से उन्हें अवगत करवाया। उन्होंने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। वहीँ, बीएससी नर्सिंग छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर इंटर्नशिप के दौरान मिलने वाले स्टाइपेंड को बहाल करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडलों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनकी उचित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
धर्मशाला: हिमाचल सरकार ने स्वास्थ्य महकमे को अलर्ट रहने के दिशा-निर्देश जारी कर रखे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के सबसे बड़े जनपद कांगड़ा में भी हेल्थ महकमा अलर्ट हो गया है। इसके लिये बाकायदा कांगड़ा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुशील शर्मा ने कांगड़ा के तमाम बीएमओ और सीएचसी, पीएचससी के प्रभारी डॉक्टर्स को इस वायरस को लेकर अलर्ट रहने की गाइडलाइंस जारी कर दी है। सीएमओ ने कहा कि उन्होंने अपने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को इस बाबत अलर्ट कर दिया है कि वो इस तरह के वायरस के लक्षण की जांच करें और दवाइयों का स्टॉक करके रखें ताकि अगर यहां ये वायरस फैलता है तो स्थिती नाजुक बिल्कुल भी न हो। उन्होंने कहा कि कोविड और इस वायरस में कोई ज्यादा अंतर नहीं है। कोविड महामारी में दिक्कत बस ये रही कि उससे बचाव के लिये कोई दवाई हमारे पास मौजूद नहीं थी, मगर इस तरह के वायरस से बचाव के लिये हमारे पास दवाइयां हैं फिर भी अगर ये वायरस पकड़ में न आये या सुरक्षा न बरती गई तो इसमें भी जान जाने का खतरा बहुत हद तक रहता है।
राजधानी शिमला में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। सील्ड रोड पर जा रहे एक राहगीर को कार चालक ने कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हरीराम खांगटा के तौर पर हुई है। वह हाईकोर्ट में सेक्शन ऑफिसर के पद पर तैनात था। वह यूएस क्लब से हाईकोर्ट की तरफ जा रहा था। हादसे का कारण गाड़ी का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। यूएस क्लब शिमला का पॉश एरिया है। यहां पर कई बड़े सरकारी ऑफिस हैं। यहां पर बिना परमिट के गाड़ियों के आने पर रोक है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यह दुर्घटना आखिर कैसे हाे गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिमाचल हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड (एचएचपीएल) द्वारा संचालित फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा ने सामाजिक सरोकार में अनूठी पहल "दवाइयों का करें दान- जरूरतमंदों के आ सकें काम" का आगाज किया है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति, जिसके पास घर में ऐसी दवाइयां जो उनके इस्तेमाल में नहीं आ रही हैं और उन दवाइयों की एक्सपायरी तारीख समाप्त न हुई हो, को दान स्वरूप फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में स्वयं आकर या फोन (7807109116) पर अपना पता बताकर दान कर सकता है। अस्पताल ने बीपीएल कार्ड धारकों के लिए प्राथमिक उपचार एवं निःशुल्क दवाई वितरण योजना का भी शुभारंभ किया है। इस योजना के तहत बीपीएल कार्ड धारकों को एमरजेंसी की स्थिति में फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां भी प्रदान की जाएंगी। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक कर्नल डाॅ. एसएस परमार ने औषधि दान को समाजसेवा का एक महत्त्वपूर्ण पहलू बताया तथा सभी लोगों से इसमें भरपूर योगदान की अपील की। इस अवसर पर फोर्टिस अस्पताल के डायरेक्टर अमन सोलोमन एवं विजय कुमार ने इस योजना के क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं पर विशेष जानकारी दी।
हिमाचल हैल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड (एचएचपीएल) द्वारा संचालित फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में सामाजिक सरोकार में अनूठी पहल ’’दवाइयों का करें दान - जरूरतमंदों के आ सकें काम’’ का आगाज किया है।जिसके तहत कोई भी व्यक्ति, जिसके पास घर में ऐसी दवाइयां जो उनके इस्तेमाल में नहीं आ रही हैं और उन दवाइयों की एक्सपायरी तारीख समाप्त न हुई हो, को दान स्वरूप फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में स्वयं आकर या फोन (7807109116) पर अपना पता बताकर दान कर सकता है। दूसरी ओर फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा ने बीपीएल कार्ड धारकों के लिए प्राथमिक उपचार एवं निःशुल्क दवाई वितरण योजना का भी शुभारंभ किया है। इस योजना के तहत बीपीएल कार्ड धारकों को एमरजेंसी की स्थिति में फोर्टिस अस्पताल कांगड़ा में प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाइयां भी प्रदान की जाएंगी। इस संदर्भ में अधिक जानकारी देते हुए अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक कर्नल डाॅ एसएस परमार ने औषधि दान को समाजसेवा का एक महत्त्वपूर्ण पहलू बताया तथा सभी लोगों से इसमें भरपूर योगदान की अपील की। इस अवसर पर फोर्टिस अस्पताल के डायरेक्टर अमन सोलोमन एवं विजय कुमार ने इस योजना के क्रियान्वयन संबंधी पहलुओं पर विशेष जानकारी दी।
सीटू व हिमाचल किसान सभा ने साझा प्रेस नोट जारी करते हुए कहा कि 15 मार्च को सोलन में दोनों संगठन सामूहिक रूप से मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। CITU जिला अध्यक्ष मोहित वर्मा ने बताया कि केंद्र सरकार ने 44 श्रम कानूनों को निरस्त कर 4 श्रम संहिता में बदलकर मजदूर वर्ग पर हमला किया है तथा उद्योगपतियों को शोषण करने का खुला अधिकार दे दिया है। CITU श्रम कानूनों को बहाल करवाने के लिए आंदोलनरत है। वहीँ हिमाचल किसान सभा के जिला अध्यक्ष प्यारे लाल वर्मा ने कहा कि किसान सभा मजदूरों के मुद्दों के साथ किसानों के मुद्दों को लेकर किसान सभा इस रैली में शामिल होगी। किसानों का मुख्य मुद्दा स्वामीनाथन कमीशन के आधार पर सभी तरह की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जाना है।
अभी हाल ही में बुशहर कार्निवल के दौरान फिटनेस यू- टूबर राणा द वाइपर भारतीय अभिनेता रवीज ठाकुर से मिले। राणा ने कुल्लू जिला में प्रदेश का पहला घरेलू जिम स्थापित किया है। जहां हिंदुस्तान की मार्शल आर्ट कलरीपायट्टु का अभ्यास भी किया जाता है। वहीँ, रवीज ठाकुर एक भारतीय टेलीविज़न अभिनेता हैं। उन्होंने 2015 में मिस्टर हिमाचल का टाइटल जीता था। इसके बाद वह मिस्टर इंडिया मैनहंट 2015 के भी विजेता बने। उन्होंने बताया कि राणा हिमाचल प्रदेश में फिटनेस पर काफी अच्छा कार्य कर रहे हैं। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। राणा ने रवीज ठाकुर से काफी सारे सवाल भी किए। रवीज ने युवाओं से नशे से दूर रहने और सकारात्मक चीजों को अपनाने का आह्वान किया। हिमाचल के युवाओं को दिए सन्देश में उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अपने परिवार को सपोर्ट करने की बात कही।
एसएफआई की प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने मंगलवार को चीफ वार्डन का घेराव किया व उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। एसएफआई ने मांग की कि पीएचडी के जो छात्र 5 साल से अधिक समय से हॉस्टलों में रह रहे हैं, उनके हॉस्टल कैंसिल किए जाएं ताकि पीएचडी में दाखिल हुए नए छात्रों को हॉस्टल की सुविधा मिल सके। एसएफआई ने यह मांग भी रखी है की नए हॉस्टल का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए। नई हॉस्टल एलॉटमेंट लिस्ट जल्द से जल्द जारी की जाए। हॉस्टलों के अंदर पर्याप्त मात्रा में पीने के पानी की व्यवस्था की जाए, हॉस्टलों का रिनोवेशन का कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए, हॉस्टलों के अंदर खाने की गुणवत्ता को बढ़ाया जाए, कन्या छात्रावासों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए, छात्रावासों की सड़कों को स्ट्रीट लाइट्स की मरम्मत की जाए व छात्रावासों के अंदर इंडोर गेम के उपकरण स्थापित किए जाएं। छात्र संगठन ने इसके अलावा भी बहुत सारी मांगें चीफ वार्डन के समक्ष रखीं।
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर से मौसम ने करवट बदली है। येलो अलर्ट के बीच बीते कल रोहतांग और किन्नौर में बर्फबारी हुई है। वहीं राजधानी शिमला में भी धूप खिलने के साथ शाम को हल्की बारिश शुरू हुई है। मंगलवार को प्रदेश के आठ मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ ,तूफान का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। अन्य क्षेत्रों में 17 मार्च तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। वहीँ पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश के मौसम में बदलाव आया है। इस सीजन में ऊना में सोमवार को सबसे अधिक तापमान दर्ज हुआ। ऊना में अधिकतम पारा 33.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 30.0, हमीरपुर में 29.5, कांगड़ा में 29.0, भुंतर में 28.2, सुंदरनगर में 28.1, धर्मशाला में 27.0, चंबा में 26.6, नाहन में 25.9, सोलन में 25.0, मंडी में 24.8, शिमला में 20.4, मनाली में 18.2, कल्पा में 16.0 और केलांग में 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आज एक बार फिर सादगी का परिचय देते हुए अपने पहले बजट सत्र के लिए ओक ओवर से हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लिए ऑल्टो कार में पहुंचे। प्रातः करीब 10 बजकर 15 मिनट पर मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास ओक ओवर से विधानसभा के लिए रवाना हुए और साढ़े दस बजे विधानसभा पहुंचे। मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक रहते वह पूर्व में भी विधानसभा में अपनी ऑल्टो कार से आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जब वह पहले बजट सत्र के लिए इस कार में आए तो पुरानी यादें एक बार फिर ताजा हो रही हैं। इस दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और विधायक रवि ठाकुर भी उनके साथ रहे। विधानसभा पहुंचने पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री तथा संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इससे पूर्व भी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कई बार वीआईपी प्रोटोकॉल छोड़कर एक साधारण व्यक्ति की तरह माल रोड पर सुबह की सैर तथा लोगों से बातचीत करते नजर आए हैं।
थाना फतेहपुर के अंतर्गत चौकी रे में पुलिस को जैसे ही सूचना मिली कि बेलीज्टा में अवैध रूप से देशी शराब का कारोबार किया जा रहा है, तब चौकी प्रभारी भजन जरियाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें उनके साथ दो साथी करम सिंह व राकेश कुमार शामिल रहे। टीम ने पंचायत रियाली के अंतर्गत बेलीज्टा में सुबह पांच बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जो कि दस बजे तक चला। इस दौरान टीम ने चार लाख मिलीलीटर कच्ची लाहन नष्ट की।
भाजपा सह मीडिया प्रभारी करण नंदा ने बताया कि आज शिमला के सर्किट हाउस में शाम 6 बजे भाजपा के नगर निगम चुनावों को लेकर एक अहम बैठक होगी। इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन विशेष रूप से उपस्थित रहने वाले हैं। बैठक में नगर निगम शिमला के चुनाव को लेकर कई विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में नगर निगम शिमला के चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी, पूर्व विधान सभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन परमार, विधायक सतपाल सत्ती, राकेश जमवाल, त्रिलोक जमवाल, शिशु भाई धर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, संजय सूद, रवि मेहता, चेतन ब्रागटा, अजय श्याम, विधायक बलवीर वर्मा, कॉल नेगी, शशी बाला और गोविंद शर्मा उपस्थित रहेंगे।
होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, कुमारहट्टी में छह दिवसीय "सीएमई-कंटिन्यूयिंग मेडिकल एजुकेशन" कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला का शुभारंभ अटल मेडिकल एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी, नेरचौक, मंडी के उप-कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) सुरेंद्र कश्यप ने किया। अगले 6 दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला में देश के पंद्रह राज्यों से होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेजों के प्राध्यापक भाग ले रहे हैं। यह सीएमई कार्यशाला भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित एवं वित्त पोषित है। राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ आयुष चिकित्सा शिक्षा में नए शोध एवं शिक्षकों के अध्यापन कौशल को निरंतर निखारने के लिए देशभर में इस तरह की कार्यशाला का आयोजन करवा रहा है। मुख्यातिथि डॉ सुरेंद्र कश्यप ने इस कार्यशाला के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सतत चिकित्सा शिक्षा समय की मांग है और हम सभी को अपने अपने कौशल को निखारने के लिए हमेशा इस तरह के कार्यक्रमों की जरूरत है। सीएमई के प्रथम सत्र में डॉ पंकज अग्रवाल ने सर्जिकल बीमारियों में होम्योपैथिक दवाइयों की कारगरता पर प्रकाश डाला इसी प्रकार सीएमई के द्वितीय सत्र में डॉ बरेंद्र शर्मा ने मानसिक रोगों के उपचार में होम्योपैथिक दवाइयों की कारगरता विषय पर अपनेविचार रखें। इस अवसर पर कॉलेज के ट्रस्टी कैप्टन संजय सिन्हा एवं कैप्टन सुरेश परमेश्वरम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा विधायक दल की बैठक नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में नेता प्रतिपक्ष के कक्ष, विधानसभा में संपन्न हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, विधायक अनिल शर्मा, रणधीर शर्मा, बिक्रम ठाकुर, जीआर कटवाल, हंसराज, विपिन परमार, राकेश जमवाल, विनोद ठाकुर, सुरेंद्र शौरी, त्रिलोक जमवाल, लोकेंद्र कुमार,दीप राज कपूर, जनक राज, पूर्ण चंद, प्रकाश राणा, रीना कश्यप, इंदर सिंह गांधी, डीएस ठाकुर,रणवीर सिंह निक्का और बलबीर वर्मा उपस्थित रहे।
प्रागपुर से सम्बन्ध रखने वाली अधिवक्ता रंजना पटियाल को सरकार द्वारा डिफ्टी एडवोकेट जनरल पद पर नियुक्त करने पर राजपूत कल्याण सभा देहरा ने स्वागत किया है। सोमवार को राजपूत कल्याण सभा ने गांव नैहरनपुखर में एक बैठक का आयोजन किया, जिसमें नवनियुक्त रंजना पटियाल को जहां बधाई दी, वहीँ सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी धन्यावाद किया गया। राजपूत कल्याण सभा के वरिष्ठ पदाधिकारी यश पठानिया, रणजीत गुलेरिया, सविता ठाकुर, अंजना डोगरा, रोशन लाल, कंवर अशोक राज, सुभाष गुलेरिया, शंकर सिंह परमार, रसाल सिंह, जगरूप सिंह गुलेरिया आदि ने सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया है। राजपूत कल्याण सभा के वरिष्ठ पदाधिकारी यश पठानिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है।
श्री बालाजी अस्पताल कांगड़ा में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 12 मार्च से लेकर 18 मार्च तक विश्व गलुकोमा सप्ताह मनाया जा रहा है। गलुकोमा को हिंदी भाषा में काला मोतिया के नाम से जाना जाता है। इससे नज़र कमज़ोर हो जाती है, जिससे आंखों में प्रेशर बढ़ जाता है। इस कारण आंखों की नस सूखना शुरू हो जाती है, जो कि नज़र की कमज़ोरी का कारण बनती है। इसको पहचानने का कोई लक्षण नहीं होता और इसमें दर्द भी नहीं होता है। नज़र एक बार चली जाए तो फिर वापस नहीं आती। इसके इलाज का तरीका सही समय पर इसके आईडैंटीफिकेशन द्वारा और उचित मेडिकेशन द्वारा ही किया जा सकता है। इसी उपलक्ष्य में श्री बालाजी अस्पताल में विश्व गलुकोमा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसमें आंखों का मुफ्त में कैंप लगाया जा रहा है।
राजकीय महाविद्यालय मटौर की नशा निवारण समिति द्वारा नशा Say no to Drugs विषय को लेकर पोस्टर मेकिंग तथा नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पोस्टर मेकिंग में 15 तथा नारा लेखन में 20 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। महाविद्यालय प्रचार्या ने अपने संदेश में कहा कि नशा लाखों लोगों को प्रभावित करता है। नशे के सेवन से जहां व्यक्ति व्यक्तिगत रूप से प्रभावित होता है, वहीं उसका परिवार और समाज भी प्रभावित होता है। नशा व्यक्ति को शारीरिक रूप से अपंग बनाता है। इसलिए आज की पीढ़ी को नशे से दूरी बनाए रखनी होगी। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अमृता चौधरी ने पहला दीपक ने दूसरा, रितिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंकिता को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। नारा लेखन में मधुबाला पहले, शिवानी दूसरे, रिया वालिया तीसरे स्थान पर रहे। शबनम को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। समस्त कार्यक्रम डॉ. प्रवेश गिल (समिति समन्वयक) के संयोजन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रो. दिनेश जंबाल, प्रो. अजय कुमार, प्रो. शिवानी दत्ता, प्रो. सुदेश कुमारी व डॉ. नीतू सिन्हा समिति सदस्य भी मौजूद रहे।
रक्कड़ की पंचायत भ्रांता का एक बुजुर्ग छह दिन से लापता है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। जानकारी के अनुसार भ्रांता गांव के महिंद्र सिंह (62) पुत्र फान्दू राम बुधवार शाम को चारा लाने के लिए पंजपीरी जंगल गए थे, लेकिन अभी तक वापस नहीं आए। पूर्व प्रधान रत्न सिंह राठौर ने बताया कि उनके परिजन बहुत चिंतित हैं। हालांकि पुलिस उन्हें ढूढ़ने का काफी प्रयास कर रही है। जगह-जगह सर्च ऑपरेशन भी चलाया गया, किंतु उनका कुछ पता नहीं चल पाया है। वहीँ, रविवार देर शाम उनके घर विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर भी पहुंचे। उन्होंने एसपी कांगड़ा को भी फोन के माध्यम से इस केस में उचित कार्यवाई करने को कहा। इस संदर्भ में थाना प्रभारी गुरदेव सिंह ने कहा कि पुलिस बुजुर्ग को ढूढ़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल गेयटी थियेटर में 12 मार्च से 18 मार्च तक नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा आयोजित किए जा रहे 14वें जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद व आदान-प्रदान कार्यक्रमों के माध्यम से देश की सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत, परम्पराओं एवं अर्थव्यवस्था की झलक देखने को मिलती है। उन्होंने जनजातीय समाज को आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ भारत निर्माण के लिए अपने कर्तव्य का पूर्ण समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। नेहरू युवा केंद्र संगठन, हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित किए जा रहे इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न जिलों, विशेषकर छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्यप्रदेश तथा उड़ीसा के लगभग 200 जनजातीय युवा भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस तथा सशस्त्र सीमा बल के 20 जवान ने भी कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। राज्यपाल ने इस कार्यक्रम के माध्यम से भारत की समृद्ध संस्कृति विरासत और सभ्यता को प्रदर्शित करने वाले युवाओं के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होेंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पिछले 75 वर्षो में भारत में हुए विकास के प्रति व्यापक जागरूकता की परिकल्पना की गई है। यह कार्यक्रम जनजातीय युवाओं को विविधता में एकता की अवधारणा को अपनाने और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि देश के अगले 25 वर्ष की यात्रा बहुत महत्वपूर्ण है जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘अमृत काल’ कहा हेै। उन्होंने कहा कि इस अमृतकाल के पांच संकल्पों में विकसित भारत, गुलामी की प्रत्येक सोच से स्वतंत्रता, विरासत पर गौरव, एकता तथा आपसी प्रेम और नागरिकों द्वारा अपने कर्तव्य निभाना शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को इन संकल्पों के कार्यान्वयन में अपना बहुमूल्य योगदान देना चाहिए।
राज्य सरकार ने पहली से आठवीं कक्षा तक के सभी लड़कों व लड़कियों को निःशुल्क स्कूल वर्दी के लिए 600 रुपये प्रति विद्यार्थी प्रदान करने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश के लगभग 5.25 लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। यह जानकारी मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दी। उन्होंने कहा कि वर्दी की यह राशि विद्यार्थी अथवा उनकी माता के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के माता-पिता का आर्थिक बोझ कम करने के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से राशि सीधे लाभार्थी को भेजने से इसमें पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सदैव तत्पर है और उन्हें लाभान्वित करने के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है और इसके दृष्टिगत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध ढंग से राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इन मॉडर्न स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ ही विद्यार्थियों को उचित शैक्षणिक वातावरण और विभिन्न गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
नेहरू युवा केंद्र किन्नौर के सौजन्य से दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांग पीओ में 11 व 12 मार्च को करवाया गया। इसमें वॉलीबॉल, रस्साकस्सी, 100 तथा 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल में प्रथम स्थान कैलाश वारियर क्लब तांगलिंग और द्वितीय स्थान ब्लैक बुल्स ने प्राप्त किया। लड़कियों में प्रथम स्थान विकेंडस वारियर रिकांगपिओ और द्वितीय स्थान गर्ल्स फ्रॉम चीने कल्पा ने प्राप्त किया। रस्साकस्सी में प्रथम स्थान महिला मंडल पांगी ने हासिल किया और द्वितीय स्थान महाविद्यालय के छात्रों ने हासिल किया। 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान निखिल, द्वितीय स्थान ऋषि और तीसरा स्थान विरेंद्र ने हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में गौरव नेगी ने प्रथम स्थान, अभिषेक अक्षयान ने दूसरा स्थान और सुभाष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्रोफेसर ज्ञान कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने विजेताओं को समृति चिन्ह भेंट कर पुरस्कृत किया तथा उन्हें आगे भी इस प्रकार से खेल गतिविधियों में भाग लेने का सुझाव दिया और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
भर्ती निदेशक शिमला कर्नल शलव सनवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में शामिल होने के लिए युवाओं की ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि को 16 मार्च से बढ़ाकर 20 मार्च तक कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इच्छुक युवा 20 मार्च तक अपना पंजीकरण करवाकर भारतीय सेना में अग्निवीर के रुप में शामिल होकर देश की सेवा कर सकते है। उन्होंने बताया कि ऑनलाईन परीक्षा के लिए शुल्क के रूप में उम्मीदवारों को 250 रुपये का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के लिए साइबर कैफे की सेवाओं का उपयोग करने वाले उम्मीदवार अपने व्यक्तिगत और वित्तीय डाटा की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतें। भर्ती निदेशक ने कहा कि उम्मीदवारों को सेना में भर्ती के लिए जागरूक करने के लिए सेना द्वारा सेना की वेबसाइट पर वीडियो हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है। इन वीडियो में भर्ती प्रक्रिया की तैयारी के सैंपल पेपर एवं सेना में चयन होने तक संपूर्ण विस्तृत जानकारी दी गई है।
राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में विजेता रही आस्था शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। मुख्यमंत्री ने आस्था शर्मा को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा के दम पर हिमाचल का नाम रौशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आस्था शर्मा की इस उपलब्धि से समस्त समाज और विशेष तौर पर युवा प्रेरित होंगे। उन्होंने इस अवसर पर आस्था शर्मा को सम्मानित भी किया। राजकीय महाविद्यालय संजौली की छात्रा आस्था शर्मा शिमला जिला के कोटगढ़ क्षेत्र के लोश्टा गांव से संबंध रखती हैं। इस अवसर पर उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल तथा विधायक नीरज नय्यर भी उपस्थित थे।
पर्वतारोही अमित नेगी ने सोमवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि 15 मार्च, 2023 से वह 8091 मीटर ऊंचे अन्नापूर्णा पर्वत, मकालू पर्वत (8481 मीटर), ल्होत्से पर्वत (8516 मीटर) और 8167 मीटर ऊंचे धौलागिरी शिखर का पर्वतारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आगामी अभियानों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह देश व प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अमित नेगी ने वर्ष 2021 में माउंट एवरेस्ट फतेह किया था। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह जिला किन्नौर से पहले युवा हैं। इस अवसर पर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक सुरेश कुमार, नीरज नय्यर एवं रवि ठाकुर भी उपस्थित थे।
पाइनग्रोव स्कूल धर्मपुर में 11 मार्च को अंतरसदनीय कविता वाचन प्रतिस्पर्धा 2023 का आयोजन किया गया | यह प्रतिस्पर्धा प्रतिवर्ष सत्र के प्रारंभ में आयोजित की जाती है। इस वर्ष भी यह प्रतिस्पर्धा चारों सदनों चिनार, देवदार, ओक एवं टीक के मध्य आयोजित की गई। ऑलओवर परिणाम में ओक सदन प्रथम, टीक सदन द्वितीय एवं चिनार सदन तृतीय रहा। प्रतिस्पर्धा को कुल तीन श्रेणियों में बांटा गया था। कक्षा 3-5 के विद्यार्थियों की एक श्रेणी, 6-8 के विद्यार्थियों की एक अन्य एवं 9-12 के विद्यार्थियों की तीसरी श्रेणी निर्धारित की गई थी। प्रत्येक श्रेणी से हरेक सदन के 1-1 प्रतिभागी ने भाग लिया। प्रातः 9:40 बजे से 11:10 बजे तक ‘द क्लोज़ियम’ में लगातार कविताओं का दौर चलता रहा। निर्णायक मंडल में दीपक शर्मा, जो कि जाने माने थियेटर कलाकार एवं रेडियो प्रसारण विशेषज्ञ है तथा वंदना शर्मा जो कि स्थानीय प्रतिष्ठित स्कूल सैंट मैरी कसौली से हिंदी अध्यापिका के रूप में सेवानिवृत्त हुई हैं, ने समय बाल कवियों की खूब सराहना की। कक्षा 3-5 की श्रेणी के लिए ‘बाल कविताएं, 6-8 श्रेणी के लिए ‘वीर रस’ की कविताएं एवं 9-12 श्रेणी के लिए ‘हास्य रस’ की कविताओं का वाचन किया गया। पाइनग्रोव स्कूल के हेड एक्टिविटी एवं कल्चरल अफेयर्स मिस्टर विशाल गौरी ने परिणाम घोषित किए। श्रेणी 3-5 में कक्षा 4-बी की केशवी ने प्रथम, कक्षा 5-बी की दामिनी सिंह ने द्वितीय एवं कक्षा 4-बी के छात्र वैदिक एवी अग्रवाल ने तृतीय स्थान अर्जित किया। दूसरी श्रेणी कक्षा 6-8 में कक्षा 8- ए के आराध्य रत्न भारद्वाज ने प्रथम, कक्षा 7-सी के जयंत सिंह खत्री ने द्वितीय एवं तृतीय स्थान कक्षा 8-बी की छात्रा ज़ीनत तथा 7-बी की टवीषा नें साझा किया। तीसरी श्रेणी कक्षा 9-12 में कक्षा 12 विज्ञान संकाय के हर्षवर्धन सिंह बिल्लोरिया ने प्रथम, कक्षा 9-बी के विराज कुमार एवं 9-सी की छात्रा एकम कौर ने द्वितीय स्थान साझा किया। हेड एक्टिविटी एवं कल्चरल अफेयर्स मिस्टर विशौल गौरी तथा हेड ऑफ़ स्पोर्ट्स मिस्टर सुरेंद्र मेहता ने निर्णायकों को विद्यालय की ओर से उपहार भेंट किए। विद्यालय के कार्यकारी निदेशक कैप्टन एजे सिंह एवं प्रबंधन प्रमुख मिसिज़ समीक्षा सिंह ने सभी विजेताओं, आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला कुनिहार में निपुण भारत एवं निपुण हिमाचल के अंतर्गत अर्की खंड के प्राथमिक अध्यापकों का 5 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को शुरू हो गया। इसमें अर्की खंड के लगभग 50 अध्यापक भाग ले रहें हैं। शिविर का शुभारंभ प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) भूपेंद्र ठाकुर ने किया। बीआरसीसी अर्की देवेंद्र कौशिक ने कहा कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को प्राथमिक स्तर की पढ़ाई को पूर्ण करने तक भाषा एवं गणित का बेसिक ज्ञान हो जाना चाहिए। केंद्र अध्यक्ष रमेश शर्मा ने पाठशालाओं मे घटती संख्या पर चिंता जताते हुए कहा कि हमें पाठशाला के साथ लगते क्षेत्र के लोगों का विश्वास जीतना होगा, ताकि वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों मे भेजें।
भाजपा जिला शिमला द्वारा सोमवार को आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली में मुख्य रूप से नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, भाजपा महामंत्री राकेश जमवाल, जिला अध्यक्ष विजय परमार, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, संजय सूद और रवि मेहता उपस्थित रहे। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के लॉक प्रिय मुख्यमंत्री हैं। जब से उन्होंने सत्ता संभाली है, तब से केवल संस्थानों पर ताले लगाने का कार्य कर रहे हैं। इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि इस सरकार का अभी पहला बजट भी पेश नहीं हुआ, लेकिन ऐसा लग रहा है कि सरकार का अंतिम वर्ष चल रहा है। जनता सड़कों पर है और लोगों में आक्रोश और निराशा का माहौल है, इतनी देर आशा जनता में हमने आज तक नहीं देखी। उन्होंने कहा कि 25 साल में हिमाचल प्रदेश में इतना निराशा का माहौल नहीं देखा। हमने सोचा कि यह अनुचित कार्य सरकार से गलती से हो गया है, लेकिन जब हमने सरकार से बात की तो हमने यह देखा कि सरकार ने सोच-समझकर किया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि हमारी सरकार ने सारे संस्थानों को गरीबों के लिए खोला था, इस कांग्रेस सरकार ने संस्थानों को बंद कर दिया इसका मतलब यह सरकार गरीबों के पक्ष में नहीं है। आक्रोश रैली में कुसुम सदरेट, कर्ण नंदा, प्यार सिंह, डेजी ठाकुर, राजेश शारदा, जितेंद्र बोटका, दिनेश ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
जिला खाद्य सुरक्षा विभाग धर्मशाला द्वारा डाडासीबा में सोमवार को एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता व्यापार मंडल के प्रधान राजिंदर सिंह गोगा ने की। इसमें लगभग 50 दुकानदारों ने भाग लिया। शिविर जिला खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त सविता ठाकुर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर द्वारा स्थानीय दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा पंजीकरण एवं लाइसेंस संबंधी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंजीकरण संबंधी सभी प्रक्रियाएं अब ऑनलाइन माध्यम से की जा रही हैं। उन्होंने सभी दुकानदारों से अपनी लाइसेंस संबंधी रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने को कहा। डाडासीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा ने डॉ. अभिषेक ठाकुर का जानकारी देने के लिए व्यापार मंडल की ओर से आभार व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व प्रधान धर्मचंद, पूर्व प्रधान अशोक मेहरा, रोशन लाल, सूरम सिंह, कृष्ण दत्त, मनीष शर्मा, संजीव कुमार, हैप्पी, नवजीत सिंह, राजकुमार, कश्मीर सिंह, सोनू मेहरा, राजेंद्र कुमार,रामपाल, सोनू, संजीव कुमार, प्रेम, प्रदीप,सतीश संजू, सुनील, जीवन लाल, नेपाली, त्रिलोकी, सुमित, संजू, बबली, केबल,बटीं, कृष्ण आदि दुकानदार मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंडित अशोक हिमाचली ने कहा कि भाजपा अपनी जनविरोधी नीतियों पर हल्ला मचा रही है और ओच्छी राजनीति से सस्ती लोकप्रियता हासिल करना चाहती है। अब भाजपा के पास कहने को कुछ नहीं है। हिमाचल की जनता ने इन्हें घर बैठा दिया है। पंडित अशोक ने भाजपा पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार की दमनकारी व जनविरोधी नीतियां का जवाब जनता ने दे दिया है। पूर्व भाजपा सरकार ने अपनी गलत नीतियों के चलते हिमाचल प्रदेश का खजाना खाली कर दिया। जयराम ठकुर अब राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रहे हैं। जयराम ठाकुर हिमाचल के सबसे कमजोर मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। अफसरशाही पर उनकी पकड़ ढीली रही। सुबह फैसले लेना और रात को फैसले बदल लेना, यह कमजोर मुख्यमंत्री की निशानी होती है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सुखविंदर सिंह सुक्खू की सुख की सरकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा को मुख्यमंत्री सुक्खू का फोबिया हो चुका है।
करुणामूलक संघ द्वारा करुणामूलक नौकरी बहाली के लिए संघर्ष जारी है। इसी कड़ी पर संघ व आश्रितों द्वारा प्रदेश सरकार को मेल और स्पीड पोस्ट के माध्यम से बजट में प्रावधान करने के लिए सुझाव दिए गए हैं। संघ का कहना है कि सरकार आगामी 17 मार्च के बजट सत्र में इन करुणामूलक परिवारों के लिए सरकार अलग से बजट का प्रावधान करे। बता दें कि करुणामूलक संघ के सदस्य समस्त आश्रितों सहित प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से शिमला में मिल चुके हैं। मुख्यमंत्री द्वारा इनकी मांगों को लेकर हामी भरी गई है। मुख्यमंत्री ने संघ को आश्वासन दिया गया था कि मार्च के बजट सत्र में करुणामूलक परिवारों के लिए अलग से बजट का प्रावधान प्रदेश सरकार द्वारा किया जाएगा व सभी परिवारों को मई महीने से नौकरियां दी जाएंगी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार का कहना है पूर्व सरकार के समय में भी संघ द्वारा लंबा संघर्ष किया जा चुका है। अब कांग्रेस सरकार अपने वादों को अमल में लाए। सरकार प्रदेश के 3000 से अधिक करुणामूलक परिवारों को नौकरियां देकर राहत प्रदान करे।
हिमाचल प्रदेश का जिला ऊना पंजाब बॉर्डर के साथ सटा हुआ है। जिला की सीमा पंजाब के रोपड़, होशियारपुर व तलवाड़ा के साथ लगाती है। देखने में आया है कि लोग ऊना में वारदात को अंजाम देने के बाद दूसरे राज्य में भाग जाते हैं। इस पर नकेल कसने के लिए हिमाचल पुलिस द्वारा इंटेलीजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत जिला ऊना की सात लोकेशन अंब, पंडोगा मैहतपुर, ऊना सिटी, पुलिस लाइन ऊना और संतोषगढ़ में लाखों रूपये से उच्चतम तकनीक के सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पुलिस की माने तो इसका मकसद चोरी की घटनाओं बा अवैध गतिविधियों पर नकेल कसना है। इसके साथ ही ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने कहा सीसीटीवी कैमरे लगाने के बाद पुलिस द्वारा जो लोग ओवरस्पीड ड्राइव करते हैं, बिना हेलमेट वाहन चलाते हैं व विदाउट नंबर प्लेट गाड़ी इस्तेमाल करते हैं, उन सभी पर शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल का इस्तेमाल न करें और न ही अपने बच्चों को करने दें। उन्होंने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की भी अपील की है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार से शुरू होगा। बजट सत्र से पहले सोमवार को सर्वदलीय बैठक शुरू हो गई है। बैठक में विधानसभा स्पीकर कुलदीप पठानिया के साथ मंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार और विधायक राकेश जमवाल मौजूद हैं।
पुलिस अधीक्षक खुशहाल शर्मा के दिशा-निर्देशों के अनुसार नशे के खिलाफ छेड़ी मुहिम के तहत पुलिस थाना देहरा का पुलिस दल रविवार शाम के समय भरवाईं के समीप गश्त कर रहा था। पुलिस दल ने भरवाईं रेनशेल्टर के पास विशाल उम्र 24 वर्ष, निवासी कांगड़ा की शक के आधार पर तलाशी ली तो उसके पास कुल 8.57 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना देहरा में एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की पुष्टि डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने की है।
जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ की विशेष बैठक का आयोजन धर्मशाला में किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सुनील मनोचा ने की। इस बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। महासचिव विलास हंस ने बताया कि संघ द्वारा वर्ष में 2 से 3 बैडमिंटन कोचिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा। ये कैंप बैडमिंटन के विद्वान कोचों का सहयोग लेकर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण का कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा। जो खिलाड़ी पंजीकरण करवाएगा, वही आने वाले समय में जिला कांगड़ा संघ द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेगा। संघ ने यह भी निर्णय लिया कि जिस तरह से आयु में घोटाले के मामले सामने आ रहे हैं, उसको गंभीरता से देखते हुए जो भी खिलाड़ी दोषी पाया गया, उसके झिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ द्वारा इस बैठक में कुछ एजेंडा आइटम्स जिला कांगड़ा की तरफ से हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन संघ के सामने भी रखी गई हैं। बैठक में विशेष रूप से जिला कांगड़ा बैडमिंटन संघ के पदाधिकारी सर्व चंद धीमान, आरसी कटोच, रविंदर कपूर, संदीप ढींगरा, गौरव चड्ढा, निपुण गलोड़ा, विक्रम चौधरी एवं विशेष उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत चमयावल के गांव चमयावल के खेल मैदान में नेहरू युवा क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को आर्यन इलेवन व जगत इलेवन के बीच खेला गया। पहले खेलते हुए आर्यन इलेवन ने 15 ओवर में 128 रन बनाए। वहीँ, टारगेट हासिल करने उतरी जगत इलेवन की टीम 65 रन पर ही ऑल आउट हो गई। प्रतियोगिता में लगभग 62 टीमों ने भाग लिया व यह प्रतियोगिता 25 दिनों तक चली। फाइनल मुकाबले में मैन ऑफ द मैच तरुण कुमार रहे। उन्हें ही पूरी श्रृंखला में अच्छा प्रदर्शन करने हेतु मैन ऑफ द सीरीज का ख़िताब दिया गया। इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एडवोकेट भीम सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को ट्रॉफी व 21000 रुपये व उपविजेता टीम को ट्रॉफी व 11000 रुपये की इनाम राशि प्रदान की। इस अवसर पर मुख्य रूप से युवा क्लब के अध्यक्ष हेम चंद, अंपायर नरेंद्र, भीम सिंह, वरिष्ठ नागरिक सोहन लाल, बुद्धि राम, नगीन चंद्र व युवा क्लब के सदस्य पूर्ण चंद, चमन लाल, धर्मेंद्र ठाकुर, वंशी राम, सूरत राम, सुरेश कुमार, मनोज कुमार, हीरा सिंह, जितेंद्र कुमार व महिला मंडल प्रधान मंजू देवी व अन्य लोग मौजूद रहे।
मौसम विज्ञान केन्द्र शिमला ने 12 मार्च से 15 मार्च तक जिला किन्नौर में बर्फबारी व वर्षा की चेतावनी जारी की है। इस बाबत उपायुक्त किन्नौर तोरुल एस रवीश ने लोगों से आग्रह किया कि वह इस चेतावनी के मद्देनजर ऊपरी पहाड़ी भागो में जाने से परहेज रखें, जिससे वह सुरक्षित रह सके। उपायुक्त ने कहा कि मौसम पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान जिला में होने वाले बारिश की आशंका व बर्फबारी के मद्देनजर सभी नागरिक व पर्यटक अधिक ऊंचाई वाले इलाको में ट्रैकिंग न करें एवं अपने घरों में सुरक्षित स्थानों पर रहे और किसी प्रकार का जोखिम न उठाये। उपायुक्त ने कहा कि इस सूचना को मदेनजर रखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में उच्च सतर्कता बनाये रखे तथा किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा या घटना की स्थिति में तत्काल प्रभाव से जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबर 8580819827, 9459457587, 01786-223155,51,52,53, 54 एवं टोल फ्री नम्बर 1077 पर सूचित करे।
प्रदेश में परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए हिमाचल सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने परीक्षाओं में शुचिता बनाए रखने तथा अनुचित साधनों के प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। इसके पीछे सरकार का ध्येय ईमानदार व परिश्रमी छात्रों को प्रोत्साहित करना है। रोहित ठाकुर ने बताया कि सभी निजी और सरकारी संस्थानों को परीक्षाओं के दौरान कड़ी निगरानी रखने के लिए उचित कदम उठाने तथा दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं में कदाचार एक गंभीर चिंता का विषय है तथा इससे परीक्षा आयोजित करने का संपूर्ण उद्देश्य ही निष्फल हो जाता है। प्रदेश सरकार स्वतंत्र और निष्पक्ष परीक्षाएं सुनिश्चित करने तथा कदाचार को रोकने के लिए सभी एहतियाती उपाय कर रही है। परीक्षाओं में अनुचित साधनों के प्रयोग पर रोक लगाने के लिए विश्वविद्यालय एवं शिक्षण संस्थानों के स्तर पर एक विशेष उच्च स्तरीय समिति गठित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। यह समिति परीक्षाओं में किसी भी प्रकार के कदाचार पर अंकुश लगाने के लिए उत्तरदायी होगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों एवं अन्य संस्थानों को परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान नकल करते और करवाते हुए पकड़े जाने पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। निष्पक्ष परीक्षा आयोजित करवाने के दृष्टिगत उड़नदस्तों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। यह उड़न दस्ते परीक्षाओं के दौरान औचक निरीक्षण करेंगे।
कांगड़ा के साथ लगती पंचायत नंदरुल के उप प्रधान संजीव कुमार ने कहा कि पिछले कुछ समय से नंदरूल, खरठी, राजल और जयंती माता मार्ग पर कुछ लोग शराब पीते देखे गए हैं। वहीँ, प्रेमी जोड़े भी कई बार यहां बैठे देखे गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी यहां पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलता है तो उसे पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नंदरूल-जयंती माता मार्ग पर कई बार प्रेमी जोड़े अपनी ही रास लीला में बैठे रहते हैं, जिससे वहां पर गुजरने वाले लोगों का सिर शर्म से झुक जाता है। वहीं शराबियों का जमघट भी यहां पर लगा रहता है] जिससे युवाओं, छोटे बच्चों पर विपरीत असर पड़ता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यहां पर समय-समय पर गश्त लगाई जाए। इस बारे पुलिस प्रशासन को अवगत भी करवा दिया है। उन्होंने सभी गांववासियों से अपील की है कि अगर कोई ऐसा या संदिग्ध व्यक्ति यहां पाया जाता है तो वे उन्हें या पंचायत कार्यालय में सूचित करें, ताकि उन पर कार्रवाई की जा सके।
छिंज मेला कमेटी जमानाबाद की मीटिंग मेला कमेटी प्रधान फौजा सिंह की अध्यक्षता में शिव मंदिर कोटि मोहल्ला में संपन्न हुई । मीटिंग के दौरान प्रस्ताव पारित कर अजय कुमार संजू को कमेटी उपप्रधान और बलवीर पत्रवाल को बरिष्ठ उपप्रधान पद पर नियुक्त किया गया । मेला कमेटी प्रधान फौजा सिंह ने बताया कि इस वर्ष मेले का आयोजन 24 और 25 को जमानाबाद और अब्दुल्लापुर मेला कमेटी व ग्राम पंचायत और ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। छिंज मेले में पंजाब और हिमाचल के इनामी पहलवान भाग लेंगे। इनामी पहलवान रोजी कपूरथला रेलवे कोच फैक्ट्री वर्सेस कालू बावोवाल 1 लाख रूपये के लिए अखाड़े में उतरेंगे। करण रेलवे गोल्ड मेडलिस्ट कपूरथला वर्सेस शमशेर दीनानगर, अमना बावोवाल, रिंकू हाजीपुर, बब्बू परागपुर इत्यादि अनेक पहलवान कुश्ती करने अखाड़े में पहुंच रहे हैं। बड़ी कुश्तियों को मिलाकर करीब दो लाख रूपये तक इनामी राशि देने पर कमेटी विचार कर रही है। इस मौके पर मेला कमेटी प्रधान फौजा सिंह, उप प्रधान अजय संजू, वरिष्ठ उपप्रधान बलवीर सिंह, पंचायत प्रधान कुलदीप सिंह, उपप्रधान अशोक जाम्बा, सचिव स्वरूप सिंह, विपन सिंह, मस्तराम, अजय कोटि, निशांत कोटि, लाल सिंह खैरा, गुरमेल सिंह, पुरुषोत्तम राम, वीर सिंह, सुभाष कोटि, मुकेश कोटि, कमलजीत सिंह, हरि सिंह, ओम प्रकाश, अश्वनी कुमार व मेला कमेटी प्रवक्ता एंकर संदीप चौधरी मौजूद रहे।
ग्राम पंचायत रौड़ी और अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि मारकंडेश्वर अस्तपाल सोलन के सहयोग से अंबुजा सभागार रौड़ी में निशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। महर्षि मारकंडेश्वर मेडिकल कॉलेज की पूरी टीम द्वारा लोगों की जांच की गई। शिविर में 162 से अधिक लोगों ने जांच करवाई। शिविर में रोगों की जांच हेतु हड्डी रोग, नेत्र रोग, प्रसूति एवं स्त्री रोग, शिशु रोग, कान, नाक, गला रोग, त्वचा रोग, आंख की जांच और आंतरिक चिकित्सा के विशेषज्ञ ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं, निशुल्क दवाएं भी लोगों को वितरित की गई। शिविर में पंचायत प्रधान रीना शर्मा, पंचायत सदस्य मदन शर्मा,हरदेव शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। महर्षि मारकंडेश्वर अस्तपाल से डॉ सुरेश चंद्र चड्ढा ने शिविर में लोगों की अधिकतम भागीदारी के लिए धन्यवाद करते हुए आश्वस्त किया कि शिविर में आए हुए गंभीर और रेफरल मरीजों को महर्षि मारकंडेश्वर अस्तपाल मे न्यूनतम शुल्क पर जांच करने की योजना है। मुख्य निर्माण अधिकारी अंबुजा सीमेंट लिमिटेड दाड़लाघाट मनोज जिंदल ने कहा कि स्वास्थ्य शिविर में अधिक से अधिक लोग लाभ लें। कार्यक्रम प्रबंधक अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन भूपेंद्र गांधी ने कहा कि शिविर में लोगों की भागीदारी नियमित बनी रहे, इसके लिए अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन सतत प्रयासरत रहेगा। शिविर में स्वास्थ्य सखी सुनीता देवी, विमला ठाकुर, नीलम ठाकुर, रजनी देवी, बिमला देवी, हर्षा देवी ने अपना सहयोग दिया।
विधानसभा क्षेत्र अर्की की ग्राम पंचायत संघोई के गांव मलावन (बणी) में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने 1.50 लाख से निर्मित सराय भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने मलावन में समिति भवन का शिलान्यास भी किया। मुख्य संसदीय सचिव ने गांव में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और मूलभूत सुविधाओं के ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत है। अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य में शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के दृष्टिगत विभिन विधानसभा क्षेत्रों में डे बोर्डिंग स्कूल खोलने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के तहत अर्की विधानसभा क्षेत्र में भी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। इस स्कूल में ग्रामीण बच्चों को गुणात्मक शिक्षा मिलेगी। इसी वित्तीय वर्ष में विधायक निधि से मांगू और संघोई पंचायत के लिए एक नई पेयजल योजना का प्रावधान किया जायेगा, जिसका लाभ आने वाले समय में स्थानीय ग्रामीणों को मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को थावड़ से पंप हाउस के लिए सड़क के लिए प्रारूप तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मलावन से थां सड़क निर्माण के लिए 1 लाख देने की घोषणा भी की। जनकल्याण समिति मलावन को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर ब्लॉक काग्रेस कमेटी अर्की अध्यक्ष सतीश कश्यप,जिला कांग्रेस के महासचिव राजेंद्र रावत, जिलाध्यक्ष कांग्रेस सेवा दल संजय ठाकुर, अध्यक्ष ब्लॉक काग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग सीडी बंसल, युवा काग्रेस अर्की अध्यक्ष हेमंत वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कोषाध्यक्ष रोशन लाल वर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत संघोई जगत राम, व्यापार मंडल अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, गंगा राम, विद्या सागर, तुलसी राम, संत राम पंवर सहित स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


















































