डिंपल शर्मा,धर्मपुर/मंडी – धर्मपुर और सरकाघाट उपमंडलों को जोड़ने वाले राष्ट्रीय उच्च मार्ग-03 पर गासियां खड्ड में पाड़छु के पास बन रहे पुल निर्माण को लेकर गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी पर गंभीर आरोप लगे हैं। हिमाचल किसान सभा के पूर्व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने दावा किया है कि कंपनी ने पुल के नीचे हजारों टन मलबा अवैध रूप से डंप कर खड्ड को पूरी तरह से बंद कर दिया है। यह मलबा बिना किसी अनुमति के डाला गया है और प्री-मॉनसून शुरू होने के बावजूद इसे हटाया नहीं गया है, जिससे बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में 4 जून को सरकाघाट थाने में कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज करने के लिए शिकायत दी थी, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिस ने अभी तक FIR दर्ज नहीं की है। रपट रोज़नामचा में यह लिखा गया है कि इसके लिए उच्च अधिकारियों से अनुमति ली जा रही है। शिकायतकर्ता भूपेंद्र सिंह ने सरकाघाट पुलिस पर कंपनी को बचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस को और यहां की एसडीएम को, जिन्हें इस अवैध डंपिंग की पूरी जानकारी है, तत्काल FIR दर्ज करनी चाहिए थी। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे अब FIR दर्ज कराने के लिए कानूनी प्रावधानों के तहत पुलिस अधीक्षक को मामला भेज रहे हैं और उसके बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी, जिसमें कंपनी के साथ-साथ सरकाघाट प्रशासन को भी पार्टी बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बरसात में मलबा बहने से धर्मपुर कस्बे में कोई नुकसान होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी हाथ पर हाथ धरे बैठे प्रशासन की होगी। भूपेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि आरटीआई से मिली सूचना के अनुसार कंपनी ने 28 स्थानों पर अवैध रूप से सामग्री डंप की है। इसके अलावा, अवैध रूप से ब्लास्टिंग, खनन, और लोगों के रास्ते, लिंक रोड, पानी के स्रोत तोड़ने की भी शिकायतें हैं। बनाल पंचायत के रियूर गांव में ओबीसी और अनुसूचित जाति की बस्ती पर खतरा मंडरा रहा है, और हवानी, बनेहरडी और कुम्हरड़ा में कई मकानों के पास सुरक्षा दीवारें नहीं लगाई गई हैं। सड़क खुदाई से पानी की निकासी के लिए बनी नालियां और कलवर्ट बंद हो गए हैं, जिससे पानी घरों और लोगों की जमीनों को नुकसान पहुंचा रहा है, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। बनाल में 17 जून को हुए प्रदर्शन के बाद एसडीएम ने अगले दिन मौका मुआयना करने का आश्वासन दिया था, लेकिन तीन दिन बाद भी वे धर्मपुर से मात्र पांच किलोमीटर दूर रियूर की ओबीसी व अनुसूचित जाति की बस्ती में हालात जांचने नहीं पहुंचे। भूपेंद्र सिंह ने इसे प्रशासन की घोर लापरवाही बताया, खासकर जब एसडीएम ने स्वयं 18 जून को वहां जाने की हामी भरी थी।किसान सभा द्वारा कंपनी के खिलाफ सिलसिलेवार धरनों का अगला पड़ाव बनेहरडी में होगा।
ज्वालामुखी उपमंडल के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सियालकड़, जिला कांगड़ा के इको क्लब 'पाइन' ने 'एक पौधा विद्यालय के नाम' कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस पहल के तहत छठी से दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने विद्यालय में उगाए गए पौधों को अपने घर ले जाकर लगाया और उत्साहपूर्वक 'सेल्फी विद प्लांट एट होम' अभियान में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य भारत सरकार के 'एक पेड़ माँ के नाम 2.0 इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ' कार्यक्रम की नींव को मजबूत करना था। यह महत्वपूर्ण अभियान, जो 5 जून से 30 सितंबर 2025 तक चलेगा, शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग और पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का एक संयुक्त मिशन है। विद्यालय के 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' और इको क्लब के नोडल अधिकारी विनोद शर्मा ने बताया कि सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति सच्ची निष्ठा और सामाजिक गुणों को विकसित करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। यह कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक और सक्रिय बनाने में मदद करेगा।
सुबाथू, (कपिल गुप्ता): छावनी क्षेत्र सुबाथू से सटी जाडला पंचायत के नयानगर में इस बार भी 'पहलवान बादशाह दंगल' का भव्य आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक दंगल का शुभारंभ दून विधानसभा के पूर्व विधायक परमजीत सिंह पम्मी ने किया, जबकि दुधारू पशु सभा सोलन के पूर्व अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नयानगर पहुंचने पर जाडला पंचायत की प्रधान अंजुला भंडारी सहित स्थानीय निवासियों ने पूर्व विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। दंगल के मंच संचालक पूरन ठाकुर ने बताया कि इस दंगल का आयोजन पिछले 20 से 25 वर्षों से किया जा रहा है। पहले यह छोटे स्तर पर होता था, लेकिन अब स्थानीय लोगों के सहयोग से इसका स्वरूप लगातार बढ़ रहा है। इस वर्ष दंगल में 100 से अधिक पहलवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दंगल का फाइनल मुकाबला चेतन कंडा और भूपिंदर धामी के बीच हुआ। इस कांटे की टक्कर में चेतन कंडा ने भूपिंदर धामी को पटखनी देकर दंगल का खिताब अपने नाम किया। आयोजकों द्वारा चेतन कंडा को 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसका प्रबंध स्थानीय निवासी आनंद अग्रवाल पिछले कई वर्षों से करते आ रहे हैं। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक परमजीत पम्मी ने आयोजकों को 11 हजार रुपये और रामेश्वर शर्मा ने 5100 रुपये का सहयोग प्रदान किया। सुबाथू के नयानगर में आयोजित पहलवान बादशाह दंगल में इस बार महिला पहलवानों ने भी अपना दमखम दिखाया। राजस्थान के झुंझुनू की करीब 22 वर्षीय महिला पहलवान बिट्टू ने दंगल में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। उनका मुकाबला मंडी के जयपाल से हुआ। इस बेहद रोमांचक मुकाबले में, युवा महिला पहलवान बिट्टू ने जयपाल को हराकर दर्शकों को चकित कर दिया। इस अनोखे मुकाबले को देखने के लिए मैदान के चारों ओर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जाडला पंचायत की प्रधान अंजुला भंडारी ने महिला पहलवान बिट्टू को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया।
देहरा के कुछ क्षेत्रों में आगामी 20, 24 और 26 जून को विद्युत् आपूर्ति बाधित रगेगी। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के विद्युत उपमंडल देहरा ने उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि 11 के.वी. खबली फीडर और 11 के.वी. गुम्मर एक्सप्रेस फीडर के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में आगामी दिनों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती तारों के स्थानांतरण और आवश्यक मरम्मत व रखरखाव कार्यों के कारण होगी। 20 जून 2025 (गुरुवार) और 26 जून को 11 के.वी. खबली फीडर और देहरा फीडर के तहत आने वाले गांव खबली, पाईसा, मानगढ़, जालंधर लाहर, रेहनबसेरा, मलेटा, बाड़ी और एच.आर.टी.सी. में सुबह 9:00 बजे से कार्य समाप्ति तक बिजली बंद रहेगी। यह कटौती 11 के.वी. खबली फीडर की तारों को स्थानांतरित करने के लिए की जा रही है। 24 जून को 11 के.वी. गुम्मर एक्सप्रेस फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में सुबह 9:00 बजे से कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती फीडर की आवश्यक मरम्मत और रखरखाव के लिए की जा रही है। सहायक अभियंता, विद्युत उपमंडल देहरा ने बताया है कि यदि मौसम खराब होता है, तो यह कार्य अगले दिन किया जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से इस असुविधा के दौरान सहयोग की अपील की है।
कुनिहार: समेकित क्षेत्रीय कौशल विकास, पुनर्वास एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण केंद्र (CRC), सुंदरनगर के सौजन्य से आज गणपति एजुकेशनल सोसाइटी, कुनिहार में 'विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विशेष विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और कर्मचारियों सहित कुल 100 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सी.आर.सी. स्थित पार-दिव्यांगता शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र के भौतिक चिकित्सक सोनू और नर्स डॉ. भानुप्रिया ने सिकल सेल रोग की प्रासंगिकता, इससे पीड़ित व्यक्तियों के पुनर्वास और प्रबंधन सहित विभिन्न संबंधित पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। एमिटी विश्वविद्यालय, नोएडा की नैदानिक मनोविज्ञान की स्नातकोत्तर छात्रा शिवांगी बाली ने भी रोग के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर प्रकाश डाला। सोसाइटी के प्रमुख डॉ. रोशन लाल शर्मा ने सी.आर.सी. सुंदरनगर की इस पहल का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सी.आर.सी. के पुनर्वास अधिकारी, डॉ. प्रियदर्शी मिश्र ने इस दिवस के महत्व और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की पहलों पर विस्तार से व्याख्यान दिया।
डिंपल शर्मा,धर्मपुर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 55वें जन्मदिन के अवसर पर आज युवा कांग्रेस धर्मपुर ने एक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर स्थानीय अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल और जूस वितरित किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद तबके तक सेवा और सहयोग की भावना को पहुंचाना था। इस कार्यक्रम का नेतृत्व धर्मपुर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने किया। जिसमें युवा कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें युवा कांग्रेस धर्मपुर महासचिव विक्रम कटवाल, विकास राही (जिला उपाध्यक्ष), अनिल कटवाल (ब्लॉक उपाध्यक्ष), विनोद बिष्ट (सचिव), राहुल पालसरा (विधानसभा उपाध्यक्ष), और गोल्डी (सचिव) विशेष रूप से शामिल थे। सभी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के विचारों और सेवाभाव से प्रेरणा लेते हुए जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में धर्मपुर विधानसभाध्यक्ष विशांत ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि राहुल गांधी जी सिर्फ एक राजनेता नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। उनका जीवन सत्य, सेवा और संघर्ष की मिसाल है। आज का यह आयोजन यह दर्शाता है कि हम सभी उनकी सोच के साथ खड़े हैं। युवा कांग्रेस धर्मपुर ने यह भी संकल्प लिया है कि भविष्य में भी इसी तरह के समाजसेवा के कार्यों को नियमित रूप से जारी रखा जाएगा।
विनायक ठाकुर / देहरा हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। हिमालयन आईटीआई लगवलियाना परिसर में 20 जून 2025 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश की प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी। आईटीआई के प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोजगार मेले में एमएस गोदरेज मोहाली 15,377 रुपये प्रतिमाह के वेतन पर 300 युवाओं को, यूएनओ मिंडा 15,458 रुपये पर 200 युवाओं को तथा मदरसन सोको, गुजरात 26,944 रुपये पर 300 अभ्यर्थियों को रोजगार प्रदान करेगी। योग्यता एवं नियम: अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता: 10वीं कक्षा में कम से कम 40% अंक तथा आईटीआई में न्यूनतम 50% अंक अनिवार्य हैं। इस मेले में सभी ट्रेड के पासआउट और वर्ष 2025 के अपेयरिंग छात्र भाग ले सकते हैं। दस्तावेज़ साथ लाना अनिवार्य: प्रतिभागी उम्मीदवारों को सुबह 9 बजे से पहले हिमालयन आईटीआई परिसर में उपस्थित होना होगा। साथ ही, उन्हें निम्न दस्तावेज़ साथ लाने होंगे: 10वीं और आईटीआई की अंकतालिकाएं व प्रमाण पत्र आधार कार्ड पासपोर्ट साइज फोटो अपडेटेड बायोडाटा/रिज़्यूमे अन्य वांछित प्रमाण पत्र प्रधानाचार्य ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस रोजगार मेले में भाग लेने की अपील की है ताकि उन्हें प्रतिष्ठित कंपनियों में कार्य करने का मौका मिल सके।
सुबाथू के साथ लगते सीताराम मंदिर कठनी में मेले का आयोजन किया गया। मंदिर के ओम देव जी ने बताया की मंगलवार सुबह 9 बजे यज्ञ तथा हनुमान जी की पूजा अर्चना करने के पश्चात इस भव्य मेले व भंडारे को शुरू किया गया । उन्होंने बताया की कठनी मेला बहामूर्ति योग तीर्थ महाराज की अनुकंपा एवं आर्शीवाद से बीते कई वर्षो से इस मेले व दंगल का आयोजन किया जाता है। बीते वर्ष की तरह इस वर्ष भी मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें लगी। वही मेले में पहुंचे हजारों की संख्या में पहुँचे लोगो ने मेले का खूब आनंद उठाया। कठनी दंगल में दर्शकों ने भी कुश्ती का भरपूर आनंद उठाया और अपने पसंद के पहलवान का जोश भी बढ़ाया। देर शाम फाइनल कुश्ती के खिताब को आशीष चंडीगढ़ व विक्की पहलवान रेलवे कालका के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें आशीष ने विक्की को रोमांचक मुकाबले में हराकर दंगल अपने नाम किया। दंगल विजेता आशीष को आश्रम के संचालक बहा मूर्ति योग तीर्थ महाराज ने 41000 हज़ार रुपये का नगद ईनाम दिया। वही छोटी माली मलिक पहलवान पानीपत व सुनील पहलवान रेलवे (दिल्ली) के बीच हुई, जिसमें मलिक पहलवान ने सुनील का हराकर छोटी माली अपने नाम की। आश्रम के संचालक ने मलिक पहलवान को 21 हज़ार रुपए का नकद ईनाम दिया। मेले के अंत मे इस वर्ष सोलन में आयोजित हुई बैडमिंटन प्रतियोगिता में सुबाथू के जिन बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया, उन सभी बच्चों को भी आश्रम के संचालक बहा मूर्ति योग तीर्थ महाराज ने सम्मनित किया और कहा कि ये सभी बच्चे आश्रम में ही बैडमिंटन खेलने का अभ्यास करते है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों में आमूलचूल परिवर्तन कर रही है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक शिक्षा के लिए स्कूल और कॉलेज शिक्षा के अलग-अलग निदेशालय बनाए गए हैं, जो एक निर्णायक कदम है।मुख्यमंत्री सोमवार को डिग्री कॉलेज ऊना में जनसभा को संबोधित के रहे थे। इससे पहले उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) ऊना में 8.79 करोड़ रुपये की लागत से बने नवीन भवन तथा राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना में 12 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक का लोकार्पण किया। साथ ही 5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कन्या छात्रावास की आधारशिला भी रखी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले शिक्षा सत्र से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (बाल) पाठशाला ऊना को को-एजुकेशन बनाया जाएगा और यहां सीबीएसई पैटर्न की कक्षाएं शुरू की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा को वर्तमान जरूरतों के हिसाब से समावेशी बनाने और बच्चों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाने के लिए राज्य में प्राइमरी स्तर से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की गई है। बच्चों को अंग्रेजी भाषा में दक्ष बनाने के लिए 500 विशेषज्ञ अध्यापकों की भर्ती की जा रही है। हमारा प्रयास है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे नए समय के हिसाब से जरूरी स्किल सीखें और अंग्रेजी भाषा में पारंगत हों। इसके अलावा टीजीटी आर्ट्स, मेडिकल और नॉन मेडिकल की 961 भर्तियां की जा रही हैं वहीं जेबीटी की 600 भर्तियां भी जल्द निकाली जाएंगी। उन्होंने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी ने चुनावी लाभ के लिए इलैक्शन के समय 600 नए शिक्षण संस्थान खोले थे, लेकिन उनमें शिक्षकों की तैनाती तक नहीं की गई थी, जिससे संसाधनों का दुरुपयोग हुआ। वर्तमान सरकार इन संस्थानों का युक्तिकरण कर रही है ताकि शिक्षा व्यवस्था को व्यावहारिक और सशक्त बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूलों की स्थापना कर रही है। इसके लिए इस साल 200 करोड़ का प्रावधान रखा है। विद्यालयों में हाई-टेक स्मार्ट क्लासरूम, खेल मैदान, इंडोर स्टेडियम, स्विमिंग पूल, म्यूजिक रूम जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की जा रही है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त आधार बनेंगी। श्री सुक्खू ने कहा कि राज्य में मेडिकल टेक्नोलॉजी के उन्नयन पर 1350 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को विश्वस्तरीय उपचार की सुविधा सुलभ हो सके। आईजीएमसी शिमला, टांडा और नेरचौक सहित सभी मेडिकल कॉलेजों को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया जा रहा है। 20 वर्ष से अधिक पुरानी मशीनों को चरणबद्ध रूप से बदला जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि रोबोटिक सर्जरी जैसी उन्नत चिकित्सा सेवाएं आम जनता को सहज रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। ऊना में निर्माणाधीन पीजीआई सैटेलाइट सेंटर के निर्माण में गति के लिए प्रदेश सरकार ने पर्यावरण स्वीकृतियां दिलवानेे का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हिमाचल में जनसंख्या के अनुपात में कैंसर रोगियों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन में यह सामने आया कि अनियमित जीवनशैली, खानपान के अलावा रोगों के कई कारणों में पेयजल की गुणवत्ता भी एक महत्वपूर्ण कारक है। इसी दृष्टि से प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री स्वच्छ जल शोधन योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत 200 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है। इस योजना के जरिए हर नागरिक को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल मुहैया करवाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने नशा और खनन माफिया से सख्ती से निपटने की प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार चिट्टे के धंधे में लिप्त लोगों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाएगी। हम युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ नहीं होने देंगे। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों में अधिकतम भागीदारी के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने बताया कि खेलों में पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गई है और अब सरकार जल्द ही सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को उपस्थिति में छूट देने के लिए अधिकृत करने जा रही है।
बेटियों के लिए बनेगा नया छात्रावास मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को ऊना विधानसभा क्षेत्र को 25.79 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने शिक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूती देने वाले विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 8.79 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक (बाल) पाठशाला ऊना के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया। इस भवन से छात्रों को बेहतर शिक्षण सुविधाएं मिलेंगी और विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण सुदृढ़ होगा।इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय डिग्री कॉलेज ऊना के अत्याधुनिक शैक्षणिक ब्लॉक का लोकार्पण किया। यह ब्लॉक स्मार्ट क्लासरूम, प्रयोगशालाओं और प्रशासनिक इकाइयों से सुसज्जित है और यहां उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाई देगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले ‘न्यू गर्ल्स हॉस्टल’ की आधारशिला भी रखी। यह छात्रावास विशेष रूप से दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास सुविधा प्रदान करेगा, जिससे बेटियों की उच्च शिक्षा तक पहुंच और अधिक सुलभ होगी। मुख्यमंत्री ने कॉलेज परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर गगरेट के विधायक राकेश कालिया, चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, ऊना के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रणजीत राणा, राज्य एससी आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा व अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, उपायुक्त जतिन लाल, पुलिस अधीक्षक अमित यादव और अन्य उपस्थित रहे।
लॉरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कथोग में हुआ प्रतियोगिता का आयोजन ज्वाला चैस क्लब द्वारा एक दिवसीय तृतीय 'समर रैपिड चैस टूर्नामेंट 2025 ' का आयोजन लॉरेट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी कथोग में किया गया। इसमें 101 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस चैस टूर्नामेंट का शुभारम्भ लॉरेंट इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्रिंसिपल डॉक्टर एम एस आशावत ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को नशे से दूर रहने और पढ़ाई के साथ खेलो में भी भाग लेने का आह्वान किया। टूर्नामेंट के समापन पर लॉरेंट इंस्टीट्यूट के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉक्टर रन सिंह ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विजेताओं को इनाम और ज्वाला चैस क्लब की टी शर्ट बांटी। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ खेलो में भी बढ़चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया। मुख्य अथिति ने कहा की शतरंज खेलने से बच्चो का मानसिक विकास होता है और उनकी सोचने समझने की क्षमता बढ़ती है। ये रहे विजेता : ओपन वर्ग में हमीरपुर के अंशुल ठाकुर ने प्रथम, सेक्रेड हार्ट स्कूल के आर्यूष ठाकुर ने द्वितीय, हिम एकेडमी हमीरपुर के रघुवंश शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। सीनियर वूमेन में एम एकेडमी जयसिंहपुर की हर्षिता ठाकुर ने प्रथम,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घराना की साक्षी राना ने द्वितीय, राजकीय डिग्री कॉलेज सुजानपुर की पायल ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर 14 ओपन में कैम्ब्रिज इंटरनैशनल स्कूल पालमपुर के आदविक शर्मा ने प्रथम, सौंपिन्स स्कूल चंडीगढ़ के सर्वेश राणा ने द्वितीय , डी ए वी मनई के अर्णव ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। जबकि अंडर 14 गर्ल्स मुकाबले में पैराडाइज स्कूल सुंदरनगर की मायरा ने प्रथम, डी ए वी हमीरपुर की आराध्य शर्मा ने द्वितीय, डी ए वी गिरोह हमीरपुर की आर्निका ठाकुर ने तृतीय स्थान हासिल किया। लॉरेट ग्लोबल स्कूल कथोग की सिया धीमान और शिवालिक इंटरनैशनल स्कूल ज्वालामुखी के अमय ठाकुर को यंगेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब मिला। सरकारी स्कूल की श्रेणी में गर्ल्स स्कूल की कल्याणी सूद, राजकीय उच्च विद्यालय बोहान भाटी , राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल ज्वालामुखी की दिव्या सोनी का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा ।इस मौके पर ज्वाला चैस क्लब के प्रधान मोहिंद्र धीमान ,वरिष्ठ उप प्रधान धर्म चंद जगोत्रा,सचिव बंदना धीमान, सह सचिव अंजना कुमारी,मुख्य चीफ ऑर्बिटर विकास धीमान,आर्विटर दविंद्र कुमार, राकेश कुमार,संदीप रियाल्च,संदीप बहल,जीवन सिंह,केशवी मौजूद रहे।
हमीरपुर में जल शक्ति विभाग द्वारा गंदे और दूषित पानी की सप्लाई किए जाने से स्थानीय निवासियों में रोष है। वार्ड नंबर 9 और आसपास के क्षेत्रों के लोगों का आरोप है कि विभाग लंबे समय से गंदे पानी की आपूर्ति कर रहा है, जिससे उनकी सेहत को गंभीर खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि पहले भी जल शक्ति विभाग द्वारा दूषित पानी दिया जाता रहा है, लेकिन अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। जब इस मामले में जल शक्ति विभाग के सब-डिविजनल अधिकारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई शिकायत उनके संज्ञान में नहीं आई है, लेकिन अगर ऐसा होता है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, हमीरपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति व्यवस्था भी चरमराई हुई है। गर्मियों में शहर के लोगों को समय पर पानी नहीं मिल पाता, जबकि गांवों में तो लोग पानी के लिए तरसते रहते हैं। जल शक्ति विभाग के एसडीओ राकेश कुमार ने कहा कि अगर कहीं भी ऐसी शिकायत मिलती है, तो उसे गंभीरता से लिया जाएगा और तत्काल कदम उठाए जाएंगे। हालांकि, अभी तक लोगों को इस समस्या से निजात नहीं मिली है, और उन्हें स्वच्छ पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
पुलिस थाना बरमाणा की टीम ने एसीसी चौक बरमाणा पर नाकाबंदी के दौरान एचआरटीसी बस से 2 किलो 42 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में नेपाल के रहने वाले एक व्यक्ति व उसकी बेटी को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम रूटीन चैकिंग पर तैनात थी, इसी दौरान मनाली से देहरादून जा रही एचआरटीसी बस को जांच के लिए रोका गया। जांच के दाैरान बस की सीट नंबर 26 पर बैठे व्यक्ति की हरकतें संदिग्ध लगीं, जो पुलिस को देखकर घबरा गया। पूछताछ पर उसने अपना नाम बहादुर साही (61) निवासी मदन चौक डाकघर पोलपुर तहसील व थाना कोहलापुर जिला बांके-नेपाल बताया। वह अपनी 31 वर्षीय बेटी के साथ चंडीगढ़ जा रहा था, जोकि बस की सीट नंबर 21 पर बैठी थी। पुलिस से बचने के लिए दोनाें अलग-अलग बैठे थे। संदेह के आधार पर महिला आरक्षी द्वारा युवती के बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से दो खाकी टेप से लिपटे पैकेट बरामद हुए, जिन्हें खोलने पर अंदर चरस बरामद हुई। जब्त की गई चरस का कुल वजन 2 किलोग्राम 42 ग्राम पाया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे संयुक्त रूप से इस चरस को ला रहे थे। इस पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बरमाणा में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से यह जानने का प्रयास कर रही है कि वे नशे की इस खेप काे कहां से लेकर आए थे और कहां लेकर जा रहे थे। इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस प्रवक्ता डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है।
जब सामाजिक सरोकारों की बात आती है, तो करियाडा क्षेत्र के लोग पीछे नहीं रहते। करियाडा सहकारी सभा के सचिव सुरेन्द्र सिंह ठाकुर एवं समाजसेवी राजेन्द्र गुलेरिया, समशेर गुलेरिया, रणबीर सिंह, अजीत सिह और सुभाष ने मूहल गांव स्थित सिद्बि विनायक सामाजिक कल्याण समिति द्वारा संचालित गौशाला के लिए हरे चारे से भरा ट्राला दान कर क्षेत्र में सेवा भावना का प्रेरक उदाहरण पेश किया है। सचिव सुरेन्द्र सिंह ठाकुर और समाजसेवी राजेन्द्र गुलेरिया ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं है। वे विगत कई वर्षों से गर्मी के मौसम में अपनी निजी आय से इस गौशाला में हरे चारे का योगदान करते आ रहे हैं। गौशाला में वर्तमान में करीब 70 से अधिक बेसहारा देसी गाय जीवन यापन कर रही हैं। उनका मानना है कि गौ सेवा केवल एक धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति से जुड़ा दायित्व है।
6 एचपी (आई) सीओवाई एनसीसी ऊना से संबद्ध राजकीय महाविद्यालय ढलियारा की एनसीसी इकाई के उत्साही कैडेटों का समूह आज जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी), पेखुबेला में आयोजित होने वाले वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी)-187 में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। केयरटेकर ऑफिसर (सीटीओ) डॉ. कपिल सूद के समर्पित मार्गदर्शन में, कैडेट आज सुबह 10 दिवसीय आवासीय शिविर के लिए रवाना हुए, जो 15 जून से 24 जून तक चलेगा। शिविर का आयोजन कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रविंदर सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है, और इसमें क्षेत्र के विभिन्न कॉलेजों और स्कूलों का प्रतिनिधित्व करने वाले एनसीसी कैडेट भाग लेंगे। एटीसी-187 शिविर का उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और देशभक्ति की भावना पैदा करना है, जो कैडेटों को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण और पाठ्येतर गतिविधियों के माध्यम से अपने कौशल को निखारने के लिए एक जीवंत मंच प्रदान करता है। शिविर के दौरान, कैडेट वाद-विवाद प्रतियोगिताओं, भाषण प्रतियोगिताओं, चित्रकला कार्यक्रमों, राइफल फायरिंग अभ्यास, शारीरिक प्रशिक्षण अभ्यास और अन्य टीम-निर्माण अभ्यासों में भाग लेंगे, जो उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं। शिविर की एक महत्वपूर्ण विशेषता समाज के विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों और नेताओं के साथ संवादात्मक सत्र होंगे, जो कैडेटों के साथ बहुमूल्य अंतर्दृष्टि और नेतृत्व के सबक साझा करेंगे। इन प्रेरक वार्ताओं से कैडेटों को जिम्मेदार नागरिक और भविष्य के नेता बनने के लिए प्रेरित करने की उम्मीद है। प्रस्थान से पहले बोलते हुए, सीटीओ डॉ. कपिल सूद ने भाग लेने वाले कैडेटों पर गर्व व्यक्त किया और उन्हें इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, "एटीसी शिविर केवल प्रशिक्षण के बारे में नहीं हैं; वे नेतृत्व करना सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने के बारे में हैं।" उत्साह और आशा से भरे कैडेट सम्मान के साथ अपने संस्थान का प्रतिनिधित्व करने तथा समृद्ध अनुभव प्राप्त कर लौटने के लिए उत्सुक हैं, जो उनके भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा।
नगर निगम के पुरानी मंडी वार्ड के वासणी में सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हो गया। इससे घर की दूसरी मंजिल स्थित स्टोर में आग लग गई। इस घटना से करीब चार लाख रुपये की संपत्ति स्वाह गई। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया लेकिन तब तक सभी कुछ जल कर राख हो गया। आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की है। नगर निगम के महापौर वीरेंद्र भट्ट शर्मा के पुरानी मंडी वार्ड के वासणी में रविवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दूसरी मंजिल पर स्टोर में जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुन कर सोहन सिंह सकलानी का परिवार सहम गया। परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल आए। सोहन सिंह व अन्य लोग जब घर की दूसरी मंजिल में पहुंचे तो उन्होंने देखा कि स्टोर में ट्रंक, बर्तन, गैस चूल्हा समेत अन्य सामान को आग ने चपेट में ले लिया। साप्ताहिक अवकाश होने के कारण आस पास के लोग भी एकदम घटनास्थल में पहुंच कर आग पर काबू पाने के लिए जुट गए। इसी बीच दमकल कर्मी भी वहां पहुंच गए। इससे पहले कि आग पर काबू पाया जाता सभी कुछ जल कर राख हो गया। फिलहाल दमकम विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
भारतीय ग्रेप्पलिंग संघ की टीम की ओर से हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के जगजीत नगर के अंतर्राष्ट्रीय पहलवान मनदीप ने विश्व ग्रेप्पलिंग कप में 62 किलो भार वर्ग में नोगी इवेंट में कांस्य पदक जीतकर कर देश के साथ प्रदेश का नाम भी विश्व स्तर पर रोशन किया। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश एमेच्योर ग्रेप्पलिंग संघ के अध्यक्ष संजय कुमार ने जिला मंडी में मुख्य कार्यलय में मीडिया से बातचीत करते हुए दी। सजंय कुमार ने बताया कि भारतीय ग्रेप्पलिंग संघ के अध्यक्ष ओम प्रकाश नरवाल (आई पी एस) महासचिव सुबोध कुमार यादव व भारत मे ग्रेप्पलिंग खेल के संस्थापक शिव कुमार पांचाल के मार्गदर्शन से यह संभव हो पाया है। हिमाचल प्रदेश एमेच्योर ग्रेप्पलिंग संघ के ग्रेप्पलिंग कोच एशियाई पदक विजेता जितेंद्र चौहान ने बताया कि हमारे खिलाड़ियों का विश्व ग्रेप्पलिंग प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन रहा। देश के लिए कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का खिलाड़ी ला रहा है एक कोच के लिए इस से बड़ी खुशी की बात क्या हो सकती है।
खुंडिया की समाजसेवी संस्था जय पब्बू माता सेवा सदन खुंडिया ने सलिहार पंचायत के एक जरूरतमंद परिवार की मदद की। मुखिया राकेश कुमार जिनका पिछले कुछ महीनों पहले एक दुर्घटना के कारण कंधे ओर गले का ऑपरेशन हुआ है, परिवार पहले से ही जरूरतमंद था और इस बीमारी के कारण पूरे परिवार पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा हो। मुश्किल की इस घड़ी में खुंडिया उपमंडल की समाजसेवी संस्था जय पब्बू माता सेवा सदन खुंडिया के सदस्यों समाजसेवी हंस राज, बॉबी कुमार, अमर सिंह और जगत राम ने आज इनके घर पर जाकर इन्हें संस्था की तरफ से 15 हजार रुपए का चेक दान स्वरुप भेंट किया है और आगे भी इलाज के लिए हर संभव मदद का आश्वाशन दिया है।
राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए बीए, बीकॉम और बीएससी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश धलारिया ने बताया कि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू हो चुकी है, जो 19 जून तक चलेगी। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश पूरी तरह मेरिट आधार पर होगा, जिसके अंतर्गत पहली मेरिट सूची 20 जून को महाविद्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएगी। इस सूची में चयनित विद्यार्थी 21 से 23 जून तक अपनी फीस ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इसके बाद यदि सीटें खाली रहती हैं तो दूसरी मेरिट सूची 24 जून को जारी की जाएगी, और उसमें चयनित छात्र 25 से 27 जून तक फीस भर सकेंगे। वहीं, बीए, बीकॉम और बीएससी द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को रोल ऑन आधार पर अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा, जिसके लिए अंतिम तिथि 19 जून निर्धारित की गई है तथा फीस भुगतान की तिथियां 12 से 23 जून के मध्य रखी गई हैं। प्रवेश प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु महाविद्यालय द्वारा तकनीकी सहायता और परामर्श के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है, जहां विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज़ अपलोडिंग एवं शुल्क भुगतान संबंधी हर संभव मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। प्राचार्य डॉ. धलारिया ने समस्त अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करें ताकि समय पर कक्षाओं का लाभ लिया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय में सभी संकायों की नियमित कक्षाएं 1 जुलाई 2025 से आरंभ कर दी जाएंगी।
रक्कड़ स्थित लोटस इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा आँचल ने परीक्षा 2025 में 524 अंक प्राप्त कर स्कूल का नाम रोशन किया है। आँचल ने वर्ष 2024-25 में इसी विद्यालय से कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की थी और अपनी लगन व आत्मविश्वास से यह शानदार सफलता हासिल की। प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रबंधन और अध्यापकों ने आँचल और उनके अभिभावकों को इस सफलता पर हार्दिक शुभकामनाएं दी।
शनिवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेशभर में धूप खिली, जिससे तापमान में फिर से उछाल आया है। ऊना में अधिकतम तापमान में उछाल आया है और यहां पर अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री रिकार्ड किया गया, जबकि राजधानी शिमला में 28.4 डिग्री रहा। पर्यटन स्थल मनाली में 29.6, कुफरी में 23.3, नारकंडा में 24.3, कसौली में 30.5, धर्मशाला में 31 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में रविवार से मौसम करवट बदल सकता है, इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने के साथ तूफान और 30 से 40 किलोमीटर, जो बढ़कर 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक हो सकती है, तेज हवाएं भी चलने के साथ बारिश का यैलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 19 व 20 जून को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावनाएं जताई गई हैं। इस दौरान लोगों सहित पर्यटकों के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। हालांकि प्रदेश में किन्नौर व लाहौल-स्पीति जिलों के लिए आगामी तीन दिनों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है, जिसमें चुवाड़ी में 31.4, पालमपुर में 29.8, रायपुर मैदान में 25.2, बरठीं में 24.6, कंडाघाट में 22, कांगड़ा में 21.8, मनाली में 18, जोत में 16, बैजनाथ में 15, नादौन में 11.6, मंडी में 7.2, घाघस में 7, निचार में 7, भरमौर में 6, भरवाई में 6, मैहरे में 6 व कोठी में 6 मिलीमीटर वर्षा हुई, वहीं ऊना में भी बारिश हुई है। हालांकि भुंतर में लू चली, जबकि बिलासपुर में 65, सेओबाग व बजौरा में 57, कुकुमसेरी में 48, नेरी में 46 व कुफरी में 37 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं।
भरमौर/ प्रिंस कुमार: चौरासी मंदिर से हेलीपैड को जोड़ने वाली सड़क पर आज दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। वन परिक्षेत्र कार्यालय के पास, चढ़ाई पर एक वाहन लुढ़कते हुए सड़क किनारे बनी वन विभाग की दीवार से जा अटका। अगर यह दीवार न होती तो वाहन खाई में गिर सकता था और एक बड़ा हादसा हो सकता था। गौरतलब है कि चौरासी मंदिर प्रवेश द्वार के सामने से हेलीपैड की ओर जाने वाली सड़क काफी तीखी चढ़ाई वाली है। इस कारण कई बार वाहन चढ़ाई पर रुककर पीछे की ओर लुढ़कने लगते हैं। ऐसे में अगर कोई राहगीर सड़क से गुजर रहा हो तो बड़ा हादसा हो सकता है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं. इस घटना ने एक बार फिर इस सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की जरूरत को उजागर किया है।
भरमौर/ प्रिंस कुमार: चौरासी मंदिर से हेलीपैड को जोड़ने वाली सड़क पर आज दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। वन परिक्षेत्र कार्यालय के पास, चढ़ाई पर एक वाहन लुढ़कते हुए सड़क किनारे बनी वन विभाग की दीवार से जा अटका। अगर यह दीवार न होती तो वाहन खाई में गिर सकता था और एक बड़ा हादसा हो सकता था। गौरतलब है कि चौरासी मंदिर प्रवेश द्वार के सामने से हेलीपैड की ओर जाने वाली सड़क काफी तीखी चढ़ाई वाली है। इस कारण कई बार वाहन चढ़ाई पर रुककर पीछे की ओर लुढ़कने लगते हैं। ऐसे में अगर कोई राहगीर सड़क से गुजर रहा हो तो बड़ा हादसा हो सकता है। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं. इस घटना ने एक बार फिर इस सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की जरूरत को उजागर किया है।
मंडी जिले के जोगिंद्रनगर उपमंडल अंतर्गत लडभड़ोल क्षेत्र की ग्राम पंचायत खुड्डी में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी गहरे तीखे मोड़ से होकर सीधे खाई में जा गिरी, जिसके परिणामस्वरूप एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवतियों सहित एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह हादसा उस समय हुआ जब तनु (28) पत्नी विवेक, निवासी खुड्डी, बोलेरो वाहन चला रही थीं। गाड़ी में उनके साथ मुस्कान (18) पुत्री सरवन, निवासी खुड्डी; काजल (19) निवासी कोलंग; और मीना देवी (36) पत्नी सरवन, निवासी खुड्डी, सवार थीं। बताया जा रहा है कि जैसे ही तनु ने एक तीखे मोड़ पर गाड़ी मोड़ने की कोशिश की, वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचित किया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लडभड़ोल पहुंचाया गया। वहां, डॉ. निखिल शर्मा ने प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर रूप से घायल तनु, मीना और मुस्कान को बैजनाथ सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, बैजनाथ अस्पताल में इलाज के दौरान मीना देवी ने दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार बैजनाथ में जारी है। उधर, लडभड़ोल पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने अस्पताल पहुंचकर घायल काजल के बयान दर्ज किए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस को मीना देवी की मृत्यु की सूचना मिल चुकी है और मामले की विस्तृत जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहराई से जांच कर रही है और इसमें फोरेंसिक टीम का भी सहयोग लिया जाएगा।
विद्युत उपखंड कुनिहार के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में 17 जून, मंगलवार को बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत उपमंडल एचपीएसईबीएल कुनिहार के सहायक अभियंता मोहिंदर सिंह चौधरी ने दी। उन्होंने बताया कि 33/11 केवी सबस्टेशन सायरी से निकलने वाले 11 केवी ममलीग फीडर पर पेड़ों/झाड़ियों/टहनियों की कटाई-छंटाई और आवश्यक मरम्मत व रखरखाव कार्य किया जाएगा। इस वजह से 17 जून, 2025 (मंगलवार) को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक, या जब तक काम पूरा नहीं हो जाता, शटडाउन रहेगा। इस शटडाउन के कारण ममलीग, चनौर, सनेट, सलाह, काकड़ा, बदरौण, चपला, पनोआ से बिल तक के सभी विद्युतीकृत क्षेत्रों और गांवों में बिजली की आपूर्ति प्रभावित होगी। इंजीनियर चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश 17 जून को कार्य नहीं हो पाता है, तो अगले दिन यह कार्य किया जाएगा। उन्होंने प्रभावित उपभोक्ताओं से सहयोग का अनुरोध किया है।
शिमला: पहाड़ों की रानी शिमला में इन दिनों ग्रीष्मकालीन पर्यटक सीजन अपने चरम पर है, जहां चिलचिलाती धूप से राहत पाने के लिए देशभर से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। हालांकि, पर्यटकों की बढ़ती आमद ने शहर की सड़कों पर भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या को बढ़ा दिया है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, बीते सात दिनों में शोघी बैरियर से ही दो लाख 25 हजार से ज्यादा गाड़ियों की आवाजाही हुई है, जिसके परिणामस्वरूप चंद मिनटों का सफर भी घंटों में तय हो रहा है। इस ट्रैफिक जाम से शिमला पहुंचे सैलानियों को काफी परेशानी हो रही है। सुबह और शाम के समय यह समस्या और भी विकराल रूप ले लेती है। पर्यटकों ने बताया कि उन्हें यहां का खूबसूरत मौसम और प्राकृतिक सौंदर्य तो बहुत पसंद है, लेकिन ट्रैफिक जाम ने उनकी यात्रा को थोड़ा मुश्किल बना दिया है। शिमला पुलिस प्रशासन इस समस्या को कम करने के लिए सक्रिय है। डीएसपी ट्रैफिक संदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए दो अतिरिक्त ट्रैफिक टुकड़ियों को सड़कों पर तैनात किया है। उन्होंने लोगों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही, स्थानीय लोगों से भी अपने कार्यस्थल पर समय पर पहुंचने के लिए थोड़ा जल्दी निकलने का अनुरोध किया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिल सके।
शिमला: ढली में एक होटल के कमरे में हुए चचेरे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन शर्मा को हरियाणा के पंचकूला से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक आकाश शर्मा, जो पंचकूला के सेक्टर-10, मकान नंबर 35, मेन मार्केट का रहने वाला था, उसकी हत्या 13 जून को हुई थी। शिमला पुलिस ने अर्जुन शर्मा का पता लगाने के लिए तकनीकी निगरानी, मानवीय खुफिया जानकारी और कई पुलिस टीमों के संयुक्त प्रयासों का इस्तेमाल किया। इन प्रयासों के दम पर 14 जून की सुबह अर्जुन शर्मा को पंचकूला (हरियाणा) के बाहरी इलाके से सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी शिमला गौरव सिंह ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक आकाश शर्मा और आरोपी अर्जुन शर्मा 11 जून को रात करीब 8:22 बजे ढली टनल के पास स्थित होटल पहुंचे थे। आरोपी अर्जुन अपने पिता के साथ पंचकूला में सब्जी का कारोबार करता है। पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि 13 जून को दोनों चचेरे भाइयों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। बहस इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर अर्जुन ने कथित तौर पर पहले आकाश शर्मा के सिर पर बीयर की बोतल मारी। इसके बाद उसने कांच से आकाश का गला रेत दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। एसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी अर्जुन शर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और अब आगे की जांच जारी है।
वर्तमान में चल रहे ग्रीष्मकालीन पर्यटक सीजन 2025 के दौरान शिमला शहर में वाहनों की संख्या में हो रही तेज बढ़ोतरी के मद्देनजर, शिमला पुलिस ने यातायात के सुचारू संचालन और जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। फील्ड एन्फोर्समेंट को मजबूत करने के उद्देश्य से, 46 अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों को ट्रैफिक विंग, शिमला में तैनात किया गया है। इन अधिकारियों को शहर के 23 प्रमुख ट्रैफिक ड्यूटी पॉइंट्स पर रणनीतिक रूप से नियुक्त किया गया है, ताकि भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन में और सुधार लाया जा सके। इसके अतिरिक्त, चार नए बाइक राइडर्स को भी ड्यूटी पर लगाया गया है, जिससे अब शिमला शहर में कुल 21 ट्रैफिक बाइक राइडर्स कार्यरत हैं। इनकी तैनाती का मुख्य उद्देश्य तेजी से आवाजाही सुनिश्चित करना, भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करना और यातायात संबंधी किसी भी समस्या पर त्वरित प्रतिक्रिया देना है। पिछले एक सप्ताह में ही शिमला शहर में 2,25,000 से अधिक वाहनों का भारी आवागमन दर्ज किया गया है। इस चुनौती को देखते हुए, सभी गज़ेटेड अधिकारी (GOs) अपने-अपने थाना क्षेत्रों में यातायात की निगरानी और पर्यवेक्षण में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं, जिनमें यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना, शहर और आसपास के क्षेत्रों से लावारिस और लंबे समय से खड़े वाहनों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाना शामिल है। शिमला पुलिस ने जनसाधारण से अपील की है कि वे निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, विशेषकर मुख्य शहर क्षेत्र में, ताकि जाम की समस्या को कम किया जा सके। शिमला पुलिस सभी यात्रियों के सहयोग और समझदारी के लिए हार्दिक धन्यवाद प्रकट करती है।
सुबाथू/प्रिंस कुमार: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा हाल ही में घोषित बी.ए. और बी.कॉम तृतीय वर्ष की परीक्षाओं में राजकीय महाविद्यालय सुबाथू के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। छात्रों की कड़ी मेहनत और शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम इन उत्कृष्ट परिणामों के रूप में सामने आया है। बी.ए. (कला संकाय) में सफल विद्यार्थी: कला संकाय के परिणामों में महिमा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। वहीं, किरण द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि गीतांशु ने तृतीय स्थान हासिल किया। बी.कॉम (वाणिज्य संकाय) में सफल विद्यार्थी: वाणिज्य संकाय में आंचल शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी अकादमिक श्रेष्ठता सिद्ध की। हिमांशु ने द्वितीय स्थान हासिल किया, और भावना तृतीय स्थान पर रहीं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कश्यप ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनकी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन को विद्यार्थियों की अथक मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम बताया। महाविद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
भरमौर/प्रिंस कुमार: चंबा जिले के भरमौर स्थित मलकोटा गांव के मेधावी युवा सौरव ठाकुर का चयन केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), भारत सरकार में सहायक कमांडेंट के प्रतिष्ठित पद पर हुआ है। यह सफलता उनके अथक परिश्रम और विलक्षण प्रतिभा का प्रमाण है। सौरव ठाकुर की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इससे पहले भी उन्होंने कई अन्य प्रतिष्ठित सरकारी परीक्षाओं में सफलता का परचम लहराया है। उनका चयन पूर्व में जल शक्ति विभाग में सहायक अभियंता (SDO) के पद पर हो चुका था। इसके साथ ही, उन्होंने गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में इंटेलिजेंस ऑफिसर के रूप में भी अपनी जगह बनाई थी। इतना ही नहीं, कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा के माध्यम से उन्हें भारत सरकार के संचार मंत्रालय (Department of Post) भी आवंटित किया गया है। सौरव ठाकुर ने एक साथ चार विभिन्न और अत्यंत प्रतिस्पर्धी सरकारी परीक्षाओं में चयन प्राप्त कर अपनी अकादमिक उत्कृष्टता और दृढ़ संकल्प का लोहा मनवाया है। उनकी यह शानदार सफलता उनके पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। इस अद्वितीय उपलब्धि के लिए सौरव ठाकुर और उनके पूरे परिवार को क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं।
भरमौर/प्रिंस कुमार: हिमाचल प्रदेश के भरमौर विधानसभा क्षेत्र के मेहला में युवाओं और युवतियों के लिए एक महत्वपूर्ण रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। भारत की प्रतिष्ठित संस्था rojgaar.com द्वारा यह मेला 22 जून, रविवार को आयोजित होगा । इसका मुख्य उद्देश्य जिले भर के प्रशिक्षित और अप्रशिक्षित युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान करना है। इस रोजगार मेले में विशेष रूप से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) के विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षित उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इनमें मशीनिस्ट, टर्नर, फिटर, डीजल मैकेनिक जैसे ट्रेड के साथ-साथ सिविल ब्रांच में डिप्लोमा धारक युवा भी भाग ले सकते हैं। आयोजकों ने जिले भर से इन ट्रेडों में प्रशिक्षित युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचने का आग्रह किया है ताकि वे अपने कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त कर सकें। यह रोजगार मेला केवल प्रशिक्षित उम्मीदवारों तक ही सीमित नहीं है। इसमें 10वीं पास, 12वीं पास, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा, उन उम्मीदवारों के लिए भी अवसर उपलब्ध होंगे जिनके पास कोई औपचारिक शैक्षणिक योग्यता नहीं है। यह रोजगार मेला स्थानीय युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने का एक सुनहरा अवसर है। इच्छुक उम्मीदवार 22 जून को मेहला में आयोजित होने वाले इस मेले में उपस्थित होकर अपने सपनों की नौकरी पाने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
भरमौर/प्रिंस कुमार:चंबा जिले के भरमौर स्थित प्रसिद्ध कुगती पास में ग्लेशियर के धंसने से एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ग्लेशियर के पिघलकर नीचे बैठने और रास्ते के कट जाने से दो भेड़पालकों की 450 से अधिक भेड़-बकरियां लाहौल-स्पीति और भरमौर के बीच फंस गई हैं, जिससे भेड़पालक समुदाय में भारी चिंता है। जानकारी के मुताबिक, ग्लेशियर के खिसकने से पहाड़ी रास्ता पूरी तरह से बाधित हो गया है। इसका नतीजा यह हुआ है कि भेड़पालकों की कुछ भेड़-बकरियां पास के लाहौल-स्पीति वाले हिस्से में रह गई हैं, जबकि बाकी भरमौर की ओर फंसी हुई हैं। गर्मियों के दौरान, भरमौर के भेड़पालक अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए कुगती पास, काली छोह, बनी और जोत जैसे कठिन रास्तों से होकर लाहौल-स्पीति और पांगी क्षेत्रों में जाते हैं। लगभग दो महीने तक इन ऊँचे चरागाहों में रहने के बाद, वे इसी रास्ते से अपने निचले इलाकों में लौटते हैं। ऐसे में, रास्ता बंद होने से उनकी वापसी मुश्किल हो गई है और भेड़पालक पूरी तरह से परेशान हैं। एक प्रभावित भेड़पालक जिगरी राम ने बताया कि रास्ता न होने के कारण उनकी कुछ भेड़-बकरियां लाहौल-स्पीति की तरफ फंस गई हैं, जबकि कुछ भरमौर वाले हिस्से में हैं। उन्होंने शुक्रवार को भरमौर भेड़ फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर से जल्द से जल्द रास्ता बनाने की मांग की है, ताकि भेड़पालकों को जोत पार करने में कोई कठिनाई न हो। इस पर, भेड़ फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने उपायुक्त चंबा और एडीएम भरमौर से बात की है और इस समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया है।
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, कुल्लू की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक व्यक्ति को 3.556 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी एएनटीएफ हेमराज वर्मा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एएनटीएफ कुल्लू टीम के इंस्पेक्टर गगन सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश रौपा, हेड कांस्टेबल समीर कुमार और एचएचसी नितेश कुमार ने गुप्त सूचना के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी ली। इस तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में चरस बरामद की गई।गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान मंडी जिले की बालीचौकी तहसील के धाबेहर स्थित शिववाड़ी निवासी गोपाल सिंह (31 वर्ष) के रूप में हुई है। गोपाल सिंह के खिलाफ थाना बालीचौकी में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20 के तहत मामला (अभियोग) पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब नियमानुसार आगे की कार्यवाही कर रही है, जिसमें इस नशीले पदार्थ की बिक्री के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाना शामिल है। इस गिरफ्तारी को नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रही लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ऊना: उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह मंदिर के पास गुरुवार रात एक हृदय विदारक दुर्घटना में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी 20 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में पंजाब के अमृतसर जिले के करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए, जिनमें से एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालु पीरनिगाह मंदिर में माथा टेकने के बाद अपने घर लौट रहे थे।जानकारी के अनुसार, पंजाब के अमृतसर जिले के मजीठा से आए श्रद्धालुओं का एक जत्था, जिसमें लगभग 30 लोग शामिल थे, बाबा बालक नाथ मंदिर और डेरा बाबा वडभाग सिंह में दर्शन करने के बाद पीरनिगाह की ओर बढ़ा था। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु पिकअप गाड़ी में 'डबल डेकर' बनाकर ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे, जिससे गाड़ी में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। पीरनिगाह मंदिर में माथा टेकने के बाद जब वे रात को वापस लौट रहे थे, तभी मंदिर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर उनकी पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। श्रद्धालुओं की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों, 108 एंबुलेंस सेवा और निजी बसों की मदद से सभी घायलों को तत्काल ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने एक श्रद्धालु को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल सुखविंदर कौर और गुरमीत कौर ने क्षेत्रीय अस्पताल में उपचार के दौरान बताया कि पिकअप गाड़ी में अतिरिक्त फट्टे लगाकर करीब 30 श्रद्धालु धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए आए थे। पीरनिगाह के पास ही उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीम को तुरंत अलर्ट कर अस्पताल बुलाया गया था। उन्होंने पुष्टि की कि अस्पताल लाए गए करीब 30 घायलों में से एक को मृत घोषित किया गया है। कई श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें फ्रैक्चर और सिर में गहरी चोटें शामिल हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कुनिहार: कुनिहार के बी.एल. स्कूल की पूर्व छात्रा शगुन सिंह ने पूरे हिमाचल प्रदेश में बीकॉम अंतिम वर्ष की परीक्षा में पांचवां स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी द्वारा घोषित बीकॉम अंतिम वर्ष के परिणामों में शगुन ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। कुनिहार के सियांवा गांव निवासी और जितेंद्र सिंह की पुत्री शगुन सिंह ने 8.45 सीजीपीए के साथ यह शानदार उपलब्धि हासिल की है। शगुन वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय संजौली में उत्कृष्ट शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। उसने अपनी सफलता ने न केवल उनके विद्यालय और कुनिहार क्षेत्र को गौरवान्वित किया है, बल्कि पूरे सोलन जिले का नाम भी रोशन किया है। यह शगुन की पहली बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि नहीं है। इससे पहले भी उन्होंने जमा दो वाणिज्य संकाय की हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड परीक्षा में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी अकादमिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। बी.एल. स्कूल कुनिहार के विद्यालय अध्यक्ष ने इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए शगुन सिंह और उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है। शगुन ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, अपने माता-पिता के समर्थन और अपने अध्यापकों के मार्गदर्शन को दिया है। विद्यालय प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापिका और समस्त अध्यापक वर्ग ने भी शगुन को इस शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
13 जून को धर्मशाला में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी । विद्युत उपमंडल सिद्धपुर के सहायक अभियन्ता संतोष कुमार ने बताया कि 13 जून को खनियारा, पटोला, थात्रि, ठेड, जूल, तपोवन और रेस्ट हाउस के आस पास के क्षेत्रों में प्रातः 9ः30 बजे से शाम कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति पूर्णतः बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि मौसम खराब होने या अन्य आकस्मिक आपदा की स्थिति में यह कार्य स्थगित या आंशिक रूप से किया जा सकता है। उन्होंने सर्वसाधारण जनता से बिजली विभाग को सहयोग करने की अपील भी की है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने इस वित्त वर्ष में अवैध शराब से संबंधित कुल 103 मामले दर्ज किए है । जिसमें 5438.771 बल्क लीटर अवैध शराब राज्य के विभिन्न जिलों से बरामद की गई तथा 18743 लीटर लाहन भी नष्ट की गई है। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यालय स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। इस दल के अधिकारियों द्वारा सोलन में एक संयत्र (बॉटलिंग प्लांट) में छापा मारा गया तथा निरीक्षण के दौरान ईएनए के स्टॉक में भारी कमी पाई गई। इसके अतिरिक्त संयत्र से अवैध होलोग्राम तथा लेबल भी बरामद हुए। विभाग द्वारा इस मामले में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। संयत्र में पाई गई अनियमितताओं के लिए विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसके अतिरिक्त विभाग ने एक अन्य मामले में भी ऐसी ही कार्यवाही अमल में लाई थी जिसके अन्तर्गत जिला सिरमौर में स्थित एक संयत्र का निरीक्षण किया गया। विभागीय टीम द्वारा पाया गया कि लाइसंेस धारक रात के समय अवैध रूप से शराब का निर्माण कर रहा था। इसके अतिरिक्त उक्त संयत्र से अवैध होलोग्राम और लैबल भी बरामद हुए। संयत्र में मौजूद स्प्रिट व शराब के स्टॉक में भी भारी भिन्नता पाई गई। विभाग द्वारा लाईसैंसी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई तथा विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। पिछले कुछ समय से अवैध शराब के विरुद्ध पूरे राज्य में विभागीय टीमों द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। जिला चम्बा में चण्डीगढ़ से लाई गई अंग्रजी शराब विभाग के अधिकारियों द्वारा जब्त की गई तथा जिला ऊना और बिलासपुर में अवैध बीयर पकड़ी गई। इसी तरह मण्डी शिमला व कुल्लू में विभिन्न स्थानो का निरीक्षण कर अवैध शराब पर अंकुश लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई की गई है। आबकारी आयुक्त यूनुस ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए नियमानुसार सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शराब के अवैध कारोबार से राजस्व को हानि पहुंचाने वालों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी संदर्भ में आबकारी आयुक्त ने सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि अवैध शराब व कारोबार से जुड़ी कोई भी सूचना विभाग द्वारा संचालित किए जा रहे दूरभाष नम्बर 0177-2620426 तथा व्हाट्सएप नम्बर 94183-31426 व controlroomhq@gmail-com जोनल सर्महाता 0177-2620426 (दक्षिण क्षेत्र), 01894-230186 (उतरी क्षेत्र) व 01905-223499 (मध्य क्षेत्र) पर साझा करें, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर रोक लगाई जा सके।
चम्बा: ग्राम पंचायत मंगला के अंतर्गत ओडरा खड्ड में नहाते समय डूबकर लापता हुए दूसरे युवक वीरेंद्र का शव आज सुबह कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया है। इस घटना में बुधवार को दो युवकों की मौत हो गई थी, जिनमें से एक, नितेश, का शव पहले ही मिल गया था। गुरुवार सुबह लगभग 7 बजे स्थानीय लोगों ने वीरेंद्र के शव को खोजने के लिए अपने स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी बीच पुलिस और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुँच गए। तीनों टीमों ने मिलकर कड़ी मशक्कत की, और सुबह करीब 10 बजे वीरेंद्र का शव बरामद कर लिया गया। आपको बता दें कि यह दुखद घटना बुधवार दोपहर को घटी थी, जब ओडरा खड्ड में नहाते समय दो युवक डूब गए थे। मृतकों की पहचान नितेश (पुत्र ओम प्रकाश, निवासी गांव भूलीण, डाकघर चरड़ा, तहसील चुराह, जिला चम्बा) और वीरेंद्र (पुत्र दुर्गाराम, निवासी गांव उथार, डाकघर चरड़ा, तहसील चुराह, जिला चम्बा) के रूप में हुई थी। हादसे के कुछ ही घंटों बाद नितेश का शव तो बरामद कर लिया गया था, लेकिन वीरेंद्र का शव नहीं मिल पाया था। पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने बुधवार देर शाम तक खोजबीन जारी रखी थी, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। पुलिस ने वीरेंद्र के शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चम्बा भेज दिया है, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। एसपी चम्बा अभिषेक यादव ने इसकी पुष्टि की है।उधर, एसडीएम चम्बा प्रियांशु खाती ने बताया कि प्रशासन की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है। इस दुखद घटना से दोनों परिवारों में गहरा शोक है।
मटौर से शिमला जाने वाले फोरलेन पर अब सफर महंगा हो गया है। वीरवार से भंगवार से कांगड़ा बाईपास तक के पूरे हो चुके फोरलेन हिस्से के लिए टोल टैक्स की वसूली शुरू हो गई है। रानीताल के पास घट्टा में बनाए गए टोल बैरियर से गुजरने वाले वाहनों को अब यह शुल्क अदा करना होगा। भले ही भंगवार से कछियारी तक का पूरा फोरलेन 'रियुंड खड्ड' पर बनने वाले पुल के कारण अभी अधूरा है, फिर भी अब तक बने हिस्से के लिए टोल वसूली शुरू कर दी गई है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक (फोरलेन) विक्रम सिंह मीणा ने बताया कि घट्टा में टोल प्लाजा चालू हो गया है और फिलहाल जितना फोरलेन बना है, उसी का शुल्क वसूला जाएगा। अलग-अलग वाहनों के लिए टोल दरें निर्धारित की गई हैं, जिनमें एकतरफा यात्रा, उसी दिन वापसी, मासिक पास (50 बार टोल पार करने पर) और जिले में पंजीकृत कॉमर्शियल वाहनों के लिए विशेष दरें शामिल हैं। कार, जीप, वैन और हल्के वाहनों को एकतरफा सफर के लिए 25 रुपए और उसी दिन वापसी के लिए 35 रुपए देने होंगे, जबकि उनके लिए मासिक पास 790 रुपए का होगा। जिले में पंजीकृत कॉमर्शियल कारों के लिए यह 10 होगा। हल्के कॉमर्शियल वाहनों, हल्के गुड्स वाहनों और मिनी बसों के लिए दरें क्रमशः 40 (एकतरफा),55 (वापसी), 1275 (मासिक पास) और 20 (जिले में पंजीकृत) तय की गई हैं। बस और टू-एक्सल ट्रकों के लिए यह 80, 120, 2675 और 40 है, जबकि थ्री-एक्सल कॉमर्शियल वाहनों के लिए 90, 130, 2920 और 45 निर्धारित किया गया है। भारी कंस्ट्रक्शन मशीनरी और चार से छह एक्सल वाले भारी वाहनों को 125, 190, 4195 और 65 चुकाने होंगे। ओवरसाइज़ वाहनों के लिए दरें सबसे अधिक 155, 230, 5110 और 75 तय की गई हैं। स्थानीय लोगों के लिए पास बनाने की सुविधा भी रहेगी।
पधर, मंडी: मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर कुन्नू चौक के समीप वीरवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोद कुमार (पुत्र राजू राम), निवासी गांव लोहड़ा, डाकघर कुफरी के रूप में हुई है। यह हादसा सुबह करीब 7 बजे उस समय हुआ जब विनोद की बाइक एक ट्रक से टकरा गई। दुर्घटनास्थल पर सड़क किनारे कई अन्य ट्रक भी खड़े हुए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के बाद युवक सड़क की गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में गिरा पाया गया। हालांकि उसने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि वह जानलेवा साबित हुई। हादसे की सूचना मिलते ही पधर पुलिस थाना प्रभारी सौरभ ठाकुर अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जोनल अस्पताल मंडी भेज दिया है, जहाँ पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच, अर्की इकाई के अध्यक्ष बलबीर चौधरी दो दिन पहले एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। इसी कारण, 15 जून 2025 को पेंशनर कार्यालय कुनिहार में होने वाली इकाई की बैठक को स्थगित कर दिया गया है। कल्याण मंच के जिला सचिव रघुनाथ शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बलबीर चौधरी को सराहां के पास हुई कार दुर्घटना में काफी चोटें आई हैं। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच हिमाचल प्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर के आदेशानुसार, 15 जून को अर्की इकाई की प्रस्तावित बैठक रद्द कर दी गई है। बलबीर चौधरी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करने वालों में प्रदेशाध्यक्ष बृज लाल ठाकुर के साथ-साथ प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर, प्रदेश महामंत्री रूप चंद शर्मा, प्रदेश अतिरिक्त मंत्री राम लाल ठाकुर सहित समस्त शीर्ष नेतृत्व, तथा सोलन व अर्की इकाई के समस्त पदाधिकारियों व सदस्यों ने शामिल हैं। उधर, कुनिहार विकास सभा के सभी सदस्यों ने भी अपने साथी बलबीर चौधरी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। बलबीर चौधरी विकास सभा के उप-प्रधान और HRTC पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन अर्की यूनिट के भी प्रधान हैं। विकास सभा के मुख्य सलाहकार धनीराम तनवर ने कहा कि हम सभी भगवान से प्रार्थना करते हैं कि बलबीर चौधरी जल्द से जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें, ताकि वह अपनी सेवाएं जनता व अपने सभी साथियों को फिर से प्रदान कर सकें।
कपिल गुप्ता/सुबाथू: छावनी परिषद सुबाथू द्वारा कल छावनी अस्पताल में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 03:30 बजे तक चलेगा। शिविर के आयोजक आरएमओ सिद्धार्थ ने बताया कि 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस पूरे देश में मनाया जाता है। इसी कड़ी में सुबाथू छावनी परिषद एक दिन पहले, 13 जून को ही यह रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है। आरएमओ सिद्धार्थ ने लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी नहीं आती, बल्कि नई ऊर्जा मिलती है। यह मानवता की सेवा करने के लिए एक बड़ा कदम है। एक यूनिट रक्त किसी की जान बचा सकता है, इसलिए रक्तदान कर महादान जरूर करें। यह पहल न केवल जरूरतमंदों के लिए जीवन बचाने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक होगी।
रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी हाउसिंग कॉलोनी फेज-1 वार्ड-14 ने ब्रीथिंग जोन (ग्रीन एरिया) में हिमुडा के आवासीय ब्लॉक बनाने की योजना का कड़ा एतराज जताया है। सोसाइटी ने मामले की गंभीरता को लेकर प्रधान मोहन चौहान की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया। बैठक में वार्ड पार्षद व पूर्व डिप्टी मेयर राजीव कौड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें सर्वसम्मति से कॉलोनी के ग्रीन एरिया में हिमुडा की तरफ से प्रस्तावित नए आवासीय ब्लॉक निर्माण का विरोध प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही जरूरत पड़ने पर मामले को लेकर हाई कोर्ट और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में याचिका दायर करने का भी निर्णय लिया। प्रधान ने जारी बयान में कहा कि सपरून स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी फेज-1 प्रदेश की पहली आवासीय कॉलोनी है। यहां पर करीब 200 लोगों ने हिमुडा ने प्लाट पर आवास खरीदे हैं। अस्सी के दशक में बनी कॉलोनी में नियमानुसार नालों के आसपास ग्रीन एरिया छोड़े गए थे। सोलन में आवासीय मांग को देखते हुए हिमुडा स्थानीय लोगों के अधिकारों से कुठाराघात कर यहां पर अतिरिक्त आवासीय ब्लॉक बनाने पर आमादा है। जबकि कॉलोनी में पहले ही मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। कॉलोनी में जहां आबादी बढ़ने के चलते सप्ताह में एक दिन पानी मिल पाता है वहीं पार्किंग की कमी से सड़कों पर वाहन पार्क किए जा रहे हैं। हालात इस कदर खराब है कि कॉलोनी की सड़क से एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड का वाहन नहीं निकल पाता। ऐसे में कॉलोनी के ग्रीन एरिया में हजारों पड़े पौधों को काटकर आवासीय ब्लॉक का निर्माण होने से हालत बद से बदतर हो जाएंगे। साथ ही कॉलोनी के लोगों को सांस लेने तक की जगह नहीं बचेगी। प्रधान ने कहा कि हिमुडा ने कॉलोनी के हाल ही में दो ब्लॉक का निर्माण किया। इस दौरान मालवाहक वाहनों ने सड़क और सीवरेज के चैम्बर को नुकसान पहुंचाया। निर्माण कार्य के चलते पिछले एक वर्ष से सड़कों पर निर्माण सामग्री पड़ी रही। जिससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। सोसाइटी ने आरोप लगाया की हिमुडा आज तक कॉलोनी के प्लान के मुताबिक स्थानीय लोगों को पार्किंग, डिस्पेंसरी, पार्क, स्कूल और शॉपिंग मॉल की सुविधा नहीं दे पाया। अब यहां के एकमात्र ग्रीन एरिया में जो शुरू में डंपिंग साइट होने के चलते सिंकिंग जोन बन चुका है पर नए आवासीय ब्लॉक बनाने में तुला है जबकि स्थानीय लोग पिछले डेढ़ दशक से इसका विरोध कर रहे हैं। सोसाइटी ने निर्णय लिया कि कॉलोनी में ग्रीन एरिया में किसी भी सूरत में पड़े पौधों को काटने नहीं दिया जाएगा।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन में बुधवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के तत्वावधान में प्रेरणादायक STEM शिक्षकों के माध्यम से अनुभवात्मक शिक्षा विषय पर एक शानदार कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षण को अधिक अनुभवात्मक और नवाचारपूर्ण बनाना था जिसमें जिले के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी की।कार्यशाला में शिक्षकों ने रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान, गणित, कंप्यूटर, इतिहास, विज्ञान और अंग्रेजी भाषा जैसे विभिन्न विषयों को STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियान्त्रिकी एवं गणित) के परिप्रेक्ष्य से जोड़ते हुए अपने शोधपत्र प्रस्तुत किए। इन सभी प्रस्तुतकर्ताओं ने प्रभावी रूप से दिखाया कि कैसे छात्रों को कक्षा की पारंपरिक सीमाओं से बाहर निकालकर प्रयोग-आधारित, परियोजना-आधारित, अंतर्विषयक और अनुभवात्मक शिक्षण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि STEM सिर्फ एक शैक्षणिक दृष्टिकोण नहीं, बल्कि छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, समस्या-समाधान क्षमता, सहयोगात्मक कार्यशैली और रचनात्मक अभिव्यक्ति विकसित करने का एक शक्तिशाली माध्यम है। शिक्षकों ने अपनी प्रस्तुतियों में डिजिटल उपकरणों, डेटा विश्लेषण, रोबोटिक्स, कोडिंग, गणितीय मॉडलिंग और यहाँ तक कि भाषा व इतिहास में तकनीकी एकीकरण जैसे नवाचारों का समावेश करते हुए STEM को वास्तविक जीवन से जोड़ने के प्रभावशाली तरीके प्रस्तुत किए। कार्यशाला में प्रस्तुत शोधपत्रों का मूल्यांकन करने के लिए CBSE द्वारा नामित प्रशंसा समिति के सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. राहुल श्रीवास्तव (प्रोफेसर, जैव प्रौद्योगिकी विभाग, जेपी विश्वविद्यालय),वंदना शर्मा (प्रधानाचार्या, साईं ब्लाइट इंटरनेशनल स्कूल, धर्मपुर) और विनोद कुमार शर्मा (प्रधानाचार्य, बाल भारती स्कूल, सोलन) शामिल थे। तीनों विशेषज्ञों ने प्रतिभागी शिक्षकों की तार्किक प्रस्तुति, शोध की गहराई, नवाचार की झलक और STEM अवधारणाओं के प्रभावी एकीकरण की जमकर सराहना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. लखविंदर अरोड़ा ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में सभी विशिष्ट अतिथियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागी शिक्षकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ न केवल शिक्षण तकनीकों को समृद्ध करती हैं, बल्कि शिक्षकों को एक प्रेरक नवाचारकर्ता बनने की दिशा में मार्गदर्शन भी प्रदान करती हैं। डॉ. अरोड़ा ने यह भी कहा कि STEM शिक्षण एक ऐसी विधा है जो विद्यार्थियों को 21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयार करने का सामर्थ्य रखती है। कार्यशाला का पूरा वातावरण अत्यंत ऊर्जावान, नवाचारपूर्ण और ज्ञानवर्धक रहा। शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता, संवादात्मक प्रस्तुतियाँ और जिज्ञासापूर्ण प्रश्नोत्तर सत्रों ने इस दिन को यादगार बना दिया। गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन के आठ शिक्षकों ने भी इस पहल में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिनमें नेहा वर्मा (रसायन), सारिका गुलेरिया (विज्ञान), ज्योति चौधरी (जीवविज्ञान), कुसुम (गणित),यश पुनिया (कंप्यूटर), प्रियंका (इतिहास),हर्षा (गणित),अंशु पांटा (अंग्रेजी) और उज्ज्वल वालिया (अर्थशास्त्र) शामिल रहे।
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, जिला भाजपा कुल्लू ने देव सदन में एक जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, बिलासपुर के विधायक त्रिलोक जम्वाल, और प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने इन 11 वर्षों में देश का नाम विश्व मानचित्र पर ऊंचा किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गौरवान्वित महसूस कर रहा है। गोविंद सिंह ठाकुर ने यह भी बताया कि इन 11 वर्षों में किए गए "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" के कार्यों को इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में अंकित किया जाएगा। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का विशेष उल्लेख किया, जिसके तहत पाकिस्तान के आतंकी अड्डों को नष्ट कर आतंकवाद पर हमला किया गया, जिससे देश की छवि विश्व स्तर पर और मजबूत हुई। उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले दिनों में जिला के हर मंडल स्तर पर इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य ने बताया कि आगामी दिनों में विश्व पर्यावरण दिवस, योग दिवस, आपातकाल दिवस और बलिदान दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इन आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा भी साझा की। बिलासपुर के विधायक त्रिलोक जम्वाल ने "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" के 11 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे जन कल्याणकारी कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला अध्यक्ष अमित सूद ने भी जिले में आने वाले दिनों में पार्टी द्वारा किए जाने वाले कार्यक्रमों पर चर्चा की और संगठन के सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी, आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार, कुल्लू विधानसभा क्षेत्र से 2022 के प्रत्याशी नरोत्तम ठाकुर, प्रदेश महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष धनेश्वरी ठाकुर, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अखिलेश कपूर, जिला के महामंत्री अमर ठाकुर, बलदेव महंत, पूर्व जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, अरविंद चंदेल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अर्चना ठाकुर, मीना ठाकुर, राहुल सोलंकी, प्रदेश महिला मोर्चा सचिव बर्षा ठाकुर, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष कमलेश शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी दानवेंद्र सिंह सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
गर्मी का कहर लगातार जारी है, जिससे आमजन की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कुनिहार का अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। सामान्य से कहीं अधिक है। तपिश से बचने के लिए लोग अपने घरों और कार्यालयों में एसी और कूलर की शरण ले रहे हैं। ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर भी भीड़ देखी जा रही है, जहां लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय का सहारा ले रहे हैं। कुनिहार के व्यापारी भी इस तपती गर्मी में ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। जबकि बाजार में बिल्कुल सन्नाटा छा गया है। दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक बजार में कर्फ्यू जैसा लग जाता हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने इस तपती गर्मी में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के और ढीले कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचने का आग्रह किया है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से ध्यान रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, इस बार गर्मी के प्रकोप से किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है। तापमान बढ़ने से फसलें मुरझा गई हैं और कई जगह पानी की कमी भी महसूस हुई, जिससे सिंचाई का बोझ बढ़ गया। रणजीत,मनोज,दीपेश,नीतीश,सोनू,गोपाल,अशोक,देवराज आदि किसानों का कहना है कि फल व सब्जियों की लागत बढ़ गई है, लेकिन पैदावार कम होने से उन्हें अपनी फसल की लागत भी पूरी होने की चिंता सता रही है। किसान अब बेसब्री से बारिश का इंतजार कर रहे हैं ताकि कुछ राहत मिल सके। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ पूर्वानुमानों में 12/ 13 जून के आसपास हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए जगह-जगह पर दुकानदार पानी की छबील लगाकर लोगों को तपती गर्मी से राहत दिला रहे हैं।
कपिल गुप्ता/सुबाथू: बुधवार को संपन्न हुए श्री गुग्गा माड़ी मेला कमेटी के चुनावों में भूमेश सिंगला ने प्रधान पद पर और मोहन बंगा ने महासचिव पद पर जीत दर्ज की है। कमेटी के कुल 45 मतदाताओं में से सर्वसम्मति न बनने के बाद इन दोनों पदों के लिए मतदान कराया गया। प्रधान पद के लिए हुए रोचक मुकाबले में, भूमेश सिंगला ने 23 वोट हासिल कर दूसरी बार कमेटी के प्रधान बने। उनके प्रतिद्वंद्वी पंकज गुप्ता ने कड़ी टक्कर देते हुए 21 वोट प्राप्त किए। इसी तरह, महासचिव पद पर भी कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहाँ मोहन बंगा ने 24 वोट लेकर शानदार जीत दर्ज की। उनके मुकाबले में खड़े सुमित गिल को 20 मत मिले। चुनाव अधिकारी राकेश ठाकुर ने बताया कि प्रधान पद पर भूमेश सिंगला ने पंकज गुप्ता को 2 वोटों से हराया, जबकि महासचिव पद पर मोहन बंगा ने सुमित गिल को 4 वोटों के अंतर से मात दी गौरतलब है कि श्री गुग्गा माड़ी कमेटी के प्रधान और महासचिव पदों के लिए हर तीन साल बाद चुनाव कराए जाते हैं।
कसोल :मणिकर्ण पुलिस ने कसोल की एक जर्मन बेकरी के नेपाली संचालक संछलाल मोकतान को मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मोकतान को मंगलवार को हिरासत में लिया गया था, जब क्षेत्रीय फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (RFSL) की रिपोर्ट ने पुष्टि की कि उसकी बेकरी से जब्त की गई हैश ब्राउनीज़ वास्तव में चरस से बनी थीं। उसे अब 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। यह मामला तब शुरू हुआ जब 24 फरवरी, 2025 को मणिकरण पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट की धारा 20 के तहत FIR संख्या 17/25 दर्ज की गई। पुलिस ने संछलाल मोकतान की बेकरी पर छापा मारा था और उसके कब्जे से 45.71 ग्राम चरस, 05 हैश ब्राउनीज़,840 नकद, और एक इलेक्ट्रॉनिक मशीन बरामद की थी। शुरुआती जांच के बाद, मोकतान को नोटिस पर रिहा कर दिया गया था, जबकि जब्त की गई सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया था। पुलिस के लिए गेम-चेंजर मंगलवार को आई RFSL की रिपोर्ट थी, जिसने स्पष्ट रूप से बताया कि जब्त की गई ब्राउनीज़ में चरस मौजूद थी। इस निर्णायक सबूत के मिलते ही, मणिकरण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और उसी दिन संछलाल मोकतान को कसोल क्षेत्र से दोबारा गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने पुष्टि की है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
सोलन: दयानंद आदर्श विद्यालय के सोलन प्रांगण में आज आईएससी (10+2) और आईसीएसई (10वीं) के मेधावी छात्रों के साथ-साथ उनके अभिभावकों को सम्मानित करने के लिए एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आर्य समाज के वाइस प्रेसिडेंट मलिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्ज्वलन और मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। विद्यालय की प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने बताया कि टॉपर छात्रों और उनके अभिभावकों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें सम्मानपूर्वक मंच पर आमंत्रित किया गया। अभिभावकों के सम्मान में छात्रों ने एक मधुर स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया। इस समारोह में आईसीएसई के टॉपर कनन भंडारी, रिद्धिमा, दिव्यांश ठाकुर, हरजीत ठाकुर, जतिन गुप्ता और आईएससी के टॉपर अनमोल, देवांशु नेगी, तनीषा चौहान, मयंक शर्मा, काव्या वर्मा, हर्षित शर्मा को मेडल पहनाकर और फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। अभिभावकों को 'टोकन ऑफ लव' भेंट कर उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया। विशेष रूप से, इस अवसर पर उन अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने स्कूल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। रिद्धि चोपड़ा के अभिभावक मिस्टर और मिसेस चोपड़ा को विद्यालय के लिए 20 पंखे दान करने हेतु सम्मानित किया गया, जबकि श्रेया की अभिभावक मीनाक्षी गौतम को स्कूल के लिए वाटर कूलर भेंट करने पर सम्मानित किया गया। प्रिंसिपल ऊषा मित्तल ने सभी छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी शत-प्रतिशत परिणाम देने की परंपरा को कायम रखेंगे। मित्तल ने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी बच्चे शिक्षा के साथ-साथ समाज के अच्छे नागरिक बनें और ईमानदारी से समाज के लिए कार्य करें। समारोह में बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित सभी दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का समापन अभिभावकों, छात्रों और अध्यापकों द्वारा उत्साहपूर्ण नृत्य के साथ हुआ जिसने इस सम्मान समारोह को यादगार बना दिया।
नूरपुर जिला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी के एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जसूर निवासी कुलदीप राज गुप्ता ने 8 अप्रैल 2025 को नूरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने धोखे से उनके बैंक खाते से 3,56,799 रुपये निकाल लिए थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए, नूरपुर जिला पुलिस ने साक्ष्यों की गहनता से जांच और विश्लेषण किया। साइबर अपराध में संलिप्त आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के बाद, एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और उसे देश के विभिन्न राज्यों में रवाना किया गया। पुलिस टीम के लगातार प्रयासों के चलते, 9 जून 2025 को इस मामले के आरोपी अजीत कुमार (पुत्र कांता पासवान, निवासी खेतलपुरा, थाना सारे, जिला नालंदा, बिहार) को उसके पैतृक स्थान खेतलपुरा, बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी नूरपुर अशोक रतन ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


















































