केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शिमला जिले के चौपाल पुलिस थाना को देश के शीर्ष दस पुलिस थानों में स्थान दिया है। यह निर्णय अपराध की रोकथाम, सक्रिय उपायों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जैसे मापदंडों के आधार पर किया गया है। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्रालय के रैंकिंग इंटेलिजेंस ब्यूरो ने विभिन्न मापदंडों के आधार पर देश के शीर्ष पुलिस थानों का चयन किया है। पुलिस थानों की उपलब्धि का आकलन करते हुए मामलों के निपटान, मामलों की खोज, सामुदायिक पुलिस, बैक एंड वर्क और कानून व्यवस्था के रख-रखाव को भी पुलिस थानों की उपलब्धियों में मद्देनजर रखा गया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नई दिल्ली में नवंबर अथवा दिसंबर महीने के दौरान होने वाले सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष अपनी उपलब्धियों के बारे में एक छोटी प्रस्तुति देने के लिए देश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले थानों के एसएचओ/प्रभारी को आमंत्रित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू और पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी है और आशा व्यक्त की है कि वे अपना अच्छा काम जारी रखेंगे और हिमाचल को गौरवान्वित करते रहेंगे।
आज राजकीय महाविद्यालय चम्बा में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 सम्बंधित जिला स्तरीय वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रोफेसर सुनील गुप्ता, अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद एवम पूर्व कुलपति हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला जी ने मुख्यवक्ता व अध्यक्ष के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन वेबिनार के संगठन सचिव एवम सहायक प्रोफेसर अविनाश द्वारा किया गया। सर्वप्रथम जिला स्तरीय टास्क फ़ोर्स के अध्यक्ष डॉ विद्या सागर शर्मा द्वारा मुख्यवक्ता, महाविद्यालय के प्राचार्यों व सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय टास्क फ़ोर्स के सदस्य राजकीय महाविद्यालय चम्बा के प्राचार्य डॉ शिव दयाल, तेलका के प्राचार्य प्रोफेसर किशन चंद मिन्हास, भरमौर के प्राचार्य प्रोफेसर मोहिंदर पाल, चुवाड़ी के प्राचार्य डॉ नंद लाल, लिहल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रदीप कौंडल, सेवानिवृत्त सह आचार्य डॉ पी के गुप्ता, डॉ लेख राज, प्रोफेसर परविंदर कुमार, डॉ हेमन्त पाल, डॉ मनेष वर्मा, प्रोफेसर अविनाश, डॉ तेज सिंह, डॉ चमन सिंह, प्रोफेसर रविन्द्र डोगरा, प्रोफेसर लेख राज, डॉ सन्तोष, डॉ संजीव टपयाल, डॉ सुभान खान, प्रोफेसर प्रशांत रमन रवि, प्रोफेसर शेल्ली महाजन सहित राजकीय महाविद्यालय चम्बा, भरमौर, तेलका, चुवाड़ी, सिहुंता, लिहल, पांगी, भलेई, तीसा, सलूणी, डी ए वी बनीखेत के प्राचार्य व प्रोफेसर वेबिनार के माध्यम से जुड़े रहे। प्रोफेसर सुनील गुप्ता द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में विस्तारपूर्वक अपने विचार रखे गए। इस नीति की ऐतिहासिक पृष्टभूमि, क्रियान्वयन, संवैधानिक बदलाव इत्यादि के बारे में बताया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के पहले खण्ड स्कूली शिक्षा, दूसरे खण्ड उच्च शिक्षा के ऊपर अपने विस्तृत विचार सांझा किए। प्रोफेसर गुप्ता ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सफल क्रियान्वयन की रणनीति पर अपनी बात रखी जिसमें व्यवसायिक शिक्षा, प्रौढ़ शिक्षा, कला संस्कृति का सम्वर्धन, प्रौद्योगिकी का उपयोग, ऑनलाइन और डिजिटल शिक्षा, केंद्रीय शिक्षा सलाहकार बोर्ड का सशक्तिकरण व इस नीति का सफल क्रियान्वयन इत्यादि मुद्दे शामिल रहे। सभी उपस्थित सदस्यों ने विषय पर व्यापक चर्चा की। राजकीय महाविद्यालय चम्बा के प्राचार्य डॉ शिव दयाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्यवक्ता प्रोफेसर सुनील गुप्ता जी, चम्बा के विभिन्न महाविद्यालयों से वेबिनार में जुड़े प्राध्यापकों का वेबिनार को सफल बनाने पर धन्यवाद किया गया। विभिन्न महाविद्यालय के आचार्यों द्वारा शिक्षा नीति सम्बंधित प्रश्न किए गए, जिसका प्रोफेसर गुप्ता द्वारा संतोषजनक उत्तर व निवारण बताया गया।
दाड़लाघाट। ग्राम पंचायत संघोई में कृषकों को जागरूक करने हेतु कृषि विभाग द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर पंचायत प्रधान अमरावती की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान उप प्रधान कृष्ण लाल शर्मा भी विशेष रूप से शिविर में उपस्थित रहे। इस शिविर में कृषि विभाग के प्रसार अधिकारी देवी राम द्वारा किसानों को सरकार द्वारा चलाई जाने वाली विभिन्न योजनाओं के बारे विस्तृत जानकारी दी। पंचायत उप प्रधान कृष्ण लाल शर्मा ने बताया कि प्रसार अधिकारी ने किसानों को कृषि को बेहतर ढंग से करने के लिए पावर बिडर, ब्रश कट्टर जैसे नए उपकरणों के बारे जानकारी दी गई। उन्होंने बंदरों या अन्य जंगली जानवरों से फसलों की रक्षा करने हेतु सोलर फेंसिंग लगाने बारे भी जानकारी दी और बताया सरकार इस योजना के अधीन किसानों को अनुदान भी देती है। उन्होंने पॉलीहाउस तथा मृदा परीक्षण एवं विभागीय जानकारियां कृषकों से साझा की। इस शिविर में लगभग 100 किसानों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। किसानों को उत्तम किस्म के बीज प्रयोग करने की सलाह भी दी गई। विभाग द्वारा किसानों को निशुल्क लहसुन का बीज भी वितरित किया गया। पंचायत उप प्रधान कृष्ण लाल शर्मा ने कृषकों की जानकारी हेतु इस प्रकार के शिविर आयोजन करने हेतु विभाग तथा सरकार का धन्यवाद किया उन्होंने विभाग से भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित करने का आग्रह किया। इस शिविर में तुलसी राम, भगत राम, पूरन चंद, लता देवी, विमला देवी, दिलाराम, कम्मो, रूपराम, नरेश कुमार इत्यादि किसानों ने विशेष रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
आज प्रदेश में कोरोना से दो मौते हो गई हैं। बता दें नेरचौक मेडिकल कॉलेज में बिलासपुर के एक व्यक्ति और एक कुल्लू के व्यक्ति की मृत्यु हो गई हैं। बिलासपुर निवासी मृतक 58 वर्ष का था और कई अन्य गंभीर बीमारियों से भी ग्रसित था। कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से देर रात उसने दम तोड़ दिया। वहीं कुल्लू निवासी मृतक ने शुक्रवार सुबह दम तोडा। वह 55 वर्षीय थे व कुल्लू के भुंतर से ताल्लुक रखते थे।
शिमला। पिछले कुछ समय से हिमाचल के चम्बा, मंडी, शिमला, किन्नौर में लगातार भूकम्प के झटके महसूस किए जा रहे हैं। अब स्पीति जिला में भी भूकम्प के झटके महसूस किए गए हैं। शुक्रवार रात 2 बजकर 43 मिनट पर स्पीति में भूकंप का झटके महसूस किया गया। भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.3 आंकी गई है। भूकंप का केन्द्र जमीन के भीतर 5 किलोमीटर भीतर लाहौल स्पीति में ही था। फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई ख़बर नहीं है।
मंडी जिला में पीडब्ल्यूडी की एक बड़ी नाकामी सामने आई है जहां नेशनल हाईवे-21 चंडीगढ़-मनाली पर स्थित रेस्ट हाउस चौक पर पिछले 8 महीनों से जारी भूमिगत मार्ग के कार्य के कारण लोगों का बार-बार नुकसान हो रहा है लेकिन शासन व प्रशासन कुंभकर्णी नींद से जाग नहीं रहा है। ताजा घटनाक्रम में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 पर सुंदरनगर में विश्राम गृह चौक पर चल रहे निर्माण कार्य के चलते वीरवार देर रात कुल्लू से अनार लेकर पंजाब जा रही एक जीप मौके पर बने हुए जानलेवा गड्ढे में जा घुसी और पलट गई। इस कारण जीप में सवार तीन लोगों को मामूली चोट आई है और जीप में लदे हज़ारों रुपए के अनार भी बर्बाद हो गए। जीप के पलटने से नेशनल हाईवे-21 के दोनों तरफ जाम लगा रहा जिस कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कुनिहार पुलिस पेंसनर्ज वैलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष धनीराम तनवर, दीपराम ठाकुर, रत्तीराम शर्मा, लेखराम काइथ, संतराम चंदेल, राजेंदर शर्मा, आशा ठाकुर, पुषपासुद, बिनादेबी, मुनि लाल, गुरदयाल चौधरी, जगदीश चौहान, केदार ठाकुर, रुपराम ठाकुर, पतराम पंवर इत्यादि ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि वह पूर्व डीजीपी अश्वनी कुमार के अचानक इस प्रकार के मृत्यु घटनाक्रम सुनने पर विश्वास नहीं कर पा रहे है। अश्वनी कुमार बहुत साल जिला सोलन में पुलिस अधीक्षक रहे जिन्हें हम सब अच्छी तरह से जानते थे कि वह कितने निडर, इमानदार, कृमठ, होनहार, मेहनती अफसर थे। वह तो अपने जवानों को भी इस प्रकार की हिदायतें देते थे कि किसी प्रकार मुश्किल घड़ी या अपने जीवन में किसी शारीरिक पीड़ा होने पर कमजोर न पड़ कर मजबुती से मुकाबला करना चाहिए। क्या ऐसा अफसर इस प्रकार का घटनाक्रम करके अपनी मौत के आगे घुटने टेक देगा विश्वास नहीं होता क्योंकि हम उन्हें बहुत नजदीक से जानते थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष धनीराम तनवर ने कहा कि मैने अपने 38 साल के पुलिस कार्यकाल में इतना योग्य पुलिस अफसर नहीं देखा जिनको पुरे जिला के सिपाही से लेकर अधिकारियों तक सभी के नाम याद थे और शायद प्रदेश में यह पहले ips अफसर थे जो अपनी योग्यता से पुलिस अधीक्षक से पुलिस महानिदेशक व सी बी आई चिफ से राज्यपाल तक के पदो पर आसीन रहे। हम शब्दों में बयान नहीं कर सकते कि हमें इस दुखद घटना से कितना आघात पहुंचा है मगर शायद ईश्वर की यह ही मर्जी थी। पुरी पुलिस पैनसर एसोसिएशन अपना शोक प्रकट करती है कि भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे व उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में सहन शक्ति दे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पालमपुर इकाई ने प्रदेश भर में छात्र छात्राओं की शिक्षा के क्षेत्र में चल रही विभिन्न समस्याओं को ध्यान में लाने एवं इन सभी समस्याओं पर शीघ्र कार्यवाही की मांग करते हुए एसडीएम पालमपुर के माध्यम से प्रदेश शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा। पालमपुर इकाई अध्यक्ष अभिषेक ने बताया की विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से लेकर आज तक हमेशा छात्रहित एवम राष्ट्रहित में खड़ी रही है और समय समय पर छात्र छात्राओं को आने वाली समस्याओ को प्रशासन के माध्यम द्वारा उठाती आयी है इसी कड़ी में आज पालमपुर इकाई ने अपनी कुछ मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है जिसमें मांग की गई है कि केंद्रीय विश्विद्यालय के स्थायी परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर पूरा किया जाए साथ ही क्लस्टर विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय व हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में शिक्षक एवं गैर शिक्षकों की भर्ती शीघ्र की जाएं। इसके अतिरिक्त नौणी विश्वविद्यालय के भ्रष्ट कुलपति को बर्खास्त किया जाए तथा निजी विश्विद्यालय में छात्रों का शोषण बन्द किया जाए। विद्यार्थी परिषद ने छात्र संघ चुनाव शीघ्र करवाने व अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रवृति जल्द जारी किये जाने व हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणाम में आ रही अनिमितताओं को शीघ्र सुधारने का भी आग्रह किया है। इसके अतिरिक्त जेबीटी कमीशन में जेबीटी छात्रों को प्राथमिकता दिए जाने व प्रदेश में चरमराई चिकित्सा व्यवस्ता एवम मेडिकल महाविद्यालय के आधारभूत ढांचे को सुधाराने का भी अनुरोध सरकार से किया है।
सोलन। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 09 अक्तूबर, 2020 को 11 केवी शामती फीडर की एचटी विद्युत लाईनों का ओच्छघाट के समीप सामान्य रखरखाव कार्य किया जाना है। यह जानकारी सहायक अभियंता दिनेश ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि इसके दृष्टिगत 09 अक्तूबर, 2020 को इसके अन्तर्गत आने वाले क्षेत्रों कालाघाट, धौलांजी, टटूल, मोलों तथा क्यार व इसके आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक बाधित रहेगी। उन्होंने इस दौरान लोगों से सहयोग की अपील की है।
गुरुवार को राजगढ़ के लोक निर्माण विभाग के समीप एक मारुती 800 कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दोपहर बाद 3 बजे के बाद दीद्ग की ओर जा रही यह मारुति 800 कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई जिसमें सवार कार चालक उदित शर्मा पुत्र सुनील शर्मा निवासी एस सी ऍफ़ 7 सी - सेक्टर-3 तलवाड़ा टाउन जिला होशियारपुर पंजाब को चोटें आई हैं। घायल व्यक्ति कार के अन्दर ही फस गया था जिसे पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एक घण्टे की कड़ी मुश्कत्त के बाद निकाला। घायल व्यक्ती को 108 की सहायता से सिविल अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया जहाँ वह खतरे से बाहर और उपचाराधीन है। यदी यह कार पेड़ की वजह से न रुकती तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। उपरोक्त व्यक्ति आइशर कम्पनी में काम करता है तथा पंचकूला से दीदग अपने निजी काम से जा रहा था। पुलिस द्वारा आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
दाड़लाघाट। विद्युत उपमंडल दाड़लाघाट के अंतर्गत दाड़लाघाट, चंडी, ग्याणा के अनुभाग में 10 अक्टूबर 2020 को विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियंता दाड़लाघाट ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि लाइन के आवश्यक रख रखाव व मुरम्मत हेतु प्रातः 9 बजे से 5 तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से असुविधा हेतु सहयोग की अपील की है।
जुब्बड़ हट्टी हवाई अडडे से सटी कण्डाघाट विकास खंड की ग्राम पंचायत काहला के अधीन समस्त ग्रामवासियों ने एक बैठक कर मांग की है कि ग्राम पंचायत काहला की एक बहुत पुरानी सिंचाई की योजना जो गम्बर खड्ड दांवटी से काहला-घड़ोई-बघावनी-दांवटी-नटयाला-कोट-बागी गांव के लिए प्रस्तावित है का शीघ्र निर्माण कार्य आरम्भ किया जाए। ग्राम पंचायत काहला के उप प्रधान ललित कुमार ने बताया कि शिमला व सोलन की सीमा पर निर्मित किए गए अन्तराष्ट्रीय हवाई अडडे से काहला पंचायत काफी प्रभावित हुई है पेयजल के स्रोतों को भारी नुकसान पहुंचा है। हवाई अडडे के निर्माण से पेयजल व सिंचाई का पानी खराब हुआ है पानी पीने लायक नहीं है, जिस कारण पंचायत क्षेत्र के लोगों द्वारा सरकार के समक्ष बार-बार पेयजल व सिंचाई योजना प्रभावित होने तथा पंचायत क्षेत्र के लिए नई सिंचाई योजना बनाने के लिए बार बार आग्रह किया गया था। जल शक्ति विभाग द्वारा गम्बर खड्ड दांवटी से काहला घड़ोई बघावनी दांवटी नटयाला कोट बागी गांव के लिए लगभग 2 करोड़ रुपए की सिंचाई योजना का प्राकलन तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा था, स्वीकृति भी मिल चुकी है, योजना का सर्वे होने व अनापत्ति प्रमाण पत्र देने के बावजुद काफी समय बीत जाने के बाद भी इस सिंचाई योजना का निर्माण कार्य विभाग द्वारा अभी तक आरम्भ नहीं किया गया है। पंचायत क्षेत्र के लोग विषेषकर युवा जो कोविड-19 से प्रभावित होकर घर पर बेरोजगार है और खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पोषण कर सकते है वे सभी निराश है। ललित कुमार ने बताया कि हवाई अडडे के विस्तारीकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अब से भूमि के अधीग्रहण के पंचायत क्षेत्र के लोगों से अनापति पत्र मांगा जा रहा है जो कि ग्रामवासियों को मान्य नहीं है। पूर्व प्रधान मोहन ठाकुर, वार्ड सदस्या गीता ठाकुर, पार्वती देवी, प्रेमचन्द कष्यप तथा गांव के गुलाब सिंह, चेतराम, रामानन्द, मदन लाल, लेखराज, शंकर दयाल, राजेन्द्र कुमार, ओम प्रकाश सहित समस्त ग्रामवासियों ने प्रदेश सरकार से पुरजोर मांग की है कि इस सिंचांई योजना का निर्माण कार्य शीघ्र आरम्भ किया जाए ताकि हवाई अडडे निर्माण से प्रभावित पंचायत क्षेत्र में समृद्धि व खुशहाली आ सके और युवा वर्ग इधर-उधर न भटक कर अपने खेतों में काम कर अपना व अपने परिवार का जीवनयापन और बेहतर ढंग से कर सके।
राजगढ़। राजगढ़ के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और समाज के बुद्धिजीवी लोगों की बैठक वीरवार को लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में हुई। बैठक में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते एट्रोसिटी एक्ट के झूठे मुकदमों और बाहरी लोगों के हस्तक्षेप पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले कई महीनों से षड्यंत्र पूर्वक झूठे एक्ट्रोसिटी एक्ट के मुकदमें डाले जा रहे हैं और उसके बाद बाहर के स्वयंभू जातीय नेता अधिकारियों को फोन करके झूठे मुकदमे दर्ज करने का दबाव बना रहे है। बैठक में उपस्थित राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष रतन ठाकुर ने बताया कि राजगढ़ क्षेत्र में सब जातियों के लोग प्रेम से रहते आए हैं लेकिन पिछले कुछ सालों से क्षेत्र में कुछ नेता अपना राजनीतिक स्वार्थ सिद्ध करने के लिये जातियों को आपस में लड़ा रहे हैं। इसके लिए निर्दोष सवर्णों को एट्रोसिटी एक्ट की बलि चढ़ाया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला हाल में देखने में आया जब एक जाति का स्वयंभू ठेकेदार राजगढ़ के एक पुलिस अधिकारी पर फोन करके दबाव डालने का प्रयास कर रहा था। उसके वायरल ऑडियो से राजगढ़ के स्वर्ण समाज में रोष है। क्षेत्र के आपसी मामलों में बाहरी व्यक्तियों के हस्तक्षेप से यहां का आपसी सद्भाव चरमरा रहा है। सभा में उपस्थित लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि क्षेत्र के विधायक और सांसद और कई अन्य जनप्रतिनिधि अनुसूचित जाति से आते हैं। स्वर्ण समाज के लोग पूर्ण विश्वास से उन्हें चुनकर भेजते हैं लेकिन उसके पश्चात भी ऐसे झूठे मामले बनाकर उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। यदि भविष्य में क्षेत्र के ऐसे नेताओं ने अपनी जातिवाद की राजनीति बंद नहीं कि तो स्वर्ण समाज उनका सार्वजनिक बहिष्कार करेगा। इस विषय पर क्षेत्र के स्वर्ण समाज की अगली बैठक 15 अक्टूबर वीरवार को रखी है। वहाँ पर सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और सवर्णों की हो रही अनदेखी का विरोध करने संबंधी मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक में रतन ठाकुर, जगदीश वर्मा, विनय शर्मा, नवीन शर्मा, राजेन्द्र ठाकुर, तपेन्द्र ठाकुर, देशराज ठाकुर, प्रदीप ठाकुर, प्रमोद पुंडीर, अनुज ठाकुर, विकास भारद्वाज आदि प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
कुल्लू के पतलीकूहल सड़क मार्ग पर आज एक बड़ा हादसा होते होते बचा। रायसन के पास एक चलती हुई मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक जलने से बाल-बाल बचे। वहीं पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाइ जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार कुणाल व रोहित निवासी भुंतर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भुंतर से मनाली की ओर जा रहे थे की अचानक रायसन के समीप चलती हुई मोटरसाइकिल में आग लग गई। आग लगते ही दोनों युवक मोटरसाइकिल से उतर गए। स्थानीय लोगों ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया जिसके बाद विभाग तुरंत हरकत में आ गया। दमकल कर्मियोपन ने मौके पर पहुंचकर आग भुजाई और बड़ा हादसा होने से टल गया।
एक तरफ प्रदेश के लोग कोरोना नामक महामारी का दंश झेल रहे हैं तो वहीं दूसरी मार केंद्र सरकार ने किसान बिल को लागू करके किसानों पर डाल दी है। यह बात आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में पूर्व मंत्री एवं सचिव AICC सुधीर शर्मा ने कही। पहले तो प्रदेश के लोगों ने कोरोना काल में बमुश्किल खेती-बाड़ी कर खाद्यान्न का उत्पादन किया लेकिन अब जब उनकी फसल तैयार होकर बाजार में आ रही है तो उन्हें अपनी फसल का लागत मूल्य भी नहीं मिल रहा है। प्रदेश के किसानों को मक्की व धान का वाजिब दाम तक नहीं मिल रहा। जिस किसान बिल को केंद्र व राज्य सरकार किसान हितैषी बता रही है उसके शुरुआती परिणामों से पता चल रहा है कि किसान बिल के दूरगामी परिणाम क्या होंगे। केंद्र सरकार ने इस बार मक्की का एमएसपी 1,850 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है लेकिन प्रदेश के किसानों से कोई भी सरकारी ऐजेंसी मक्के की खरीद नहीं कर रही परिणामस्वरूप किसानों को अपनी फसल 800 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से व्यापारियों को बेचनी पड़ रही है।
सोलन। नगर परिषद कार्यालय सोलन में एक और कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। अब कर्मचारी के पॉजिटिव आने के बाद कार्यालय को एक हफ्ते के लिए सील कर दिया गया है। अब नप कार्यालय को वीरवार को खोला जाएगा। जानकारी के मुताबिक नप कार्यालय में कार्यरत एक सुपरवाइजर कोरोना पॉजिटिव आया है जिस के बाद से ही उसे होम आइसोलेट कर दिया गया है। एहतियातन तौर पर नप कार्यालय को भी बंद कर दिया गया है। इससे पहले भी एक जेई के कोरोना पॉजिटिव आने पर कार्यालय को चार दिनों के लिए बंद रखा गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने 2630 एसएमसी शिक्षकों को राहत पहुंचाई है। बता दें SC ने हिमाचल हाईकोर्ट के एसएमसी शिक्षकों की नियुक्तियां रद्द करने के फैसले पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी के माध्यम से हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाले शिक्षक संघ अध्यक्ष मनोज रोंगटा ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगा दी गई है। मनोज रोंगटा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर का SC में प्रदेश सरकार की ओर से एसएलपी दायर करने और शिक्षकों के हित में खड़े होने के लिए आभार जताया है। बता दें की हिमाचल प्रदेश HC ने बीते महीने 2630 एसएमसी शिक्षकों की नियुक्तियां रद्द करने का फैसला सुनाते हुए इनकी जगह छह माह में नियमित शिक्षकों की भर्ती करने का फैसला दिया था। ये एसएमसी शिक्षक प्रदेश के दूर दराज क्षेत्रों में काफी वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। सरकार ने स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए अस्थाई तौर पर इनकी तैनाती की थी। एसएमसी शिक्षकों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को लेकर मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही थी। इसी बीच सुप्रीम कोर्ट में हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए शिक्षकों के साथ प्रदेश सरकार ने भी एसएलपी दायर की थी।
हिमाचल के पूर्व डीजीपी, सीबीआई के पूर्व निदेशक व नागालैंड के राज्यपाल रहे अश्वनी कुमार ने बुधवार को अपने शिमला स्तिथ आवास पर आत्महत्या कर ली। पुलिस को घटना स्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। उस नोट में कुमार के सुसाइड के पीछे का राज़ छुपा हुआ है। अब उस राज़ पर से पर्दा हिमाचल डीजीपी संजय कुंडू ने उठा दिया है। कुंडू ने बताय की अश्वनी ने बीमारी और विकलांगता के चलते अपनी जीवन लीला समाप्त की। डीजीपी ने कहा, 'हमें एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि वह अपनी मर्जी से बीमारी और विकलांगता के कारण अपना जीवन समाप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी आत्मा एक नई यात्रा पर जा रही है और किसी को दुखी होने की आवश्यकता नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके मरने पर कोई अनुष्ठान या समारोह न हो।' जानकारी के अनुसार बुधवार शाम करीब सात बजे, सीबीआई के पूर्व डायरेक्टर के बेटे और बहु ने उन्हें अपने कमरे में लटके हुए पाया था। वह हर दिन शाम 7 बजे के आसपास ध्यान लगाते थे और सभी दरवाजे खुले रखते थे। बुधवार शाम लगभग 7.00 बजे जब उनका बेटा और बहू टहलने जा रहे थे, तो उन्होंने अटारी के सभी दरवाजों को बंद पाया। जब दरवाजों को तोडा गया तो कुमार वहां रस्सी से लटके पाए गए जिस के बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेकर जांच शुरू कर दी है। आज सुबह बॉडी का पोस्टमॉर्टम होगा। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले छह महीने में कुमार के सक्रिय जीवन में आया ठहराव, उनका अचानक यूं घर में बंद होकर रह जाना आत्महत्या का कारण जान पड़ता है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा कोविड-19 के दौरान डिजिटिल माध्यम से विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है ताकि इस महामारी के दौरान लोगों को उनके घर-द्वार पर ही कानूनी जानकारी पहुंचाई जा सके। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए डिजिटल माध्यम से जिला के विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया गया। इन जागरूकता शिविरों की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश भूपेश शर्मा तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव गुरमीत कौर ने की। इन शिविरों में उपस्थित लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने एवं इसके लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव गुरमीत कौर ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा शेल्टर होम कथेड़ में बच्चों से डिजिटल माध्यम से बातचीत की गई। उन्हें सरल भाषा में बच्चों के कानूनों के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में बच्चों को नशे जैसी दुष्प्रवृति से दूर रहने का परामर्श भी दिया गया। बच्चों को बताया गया कि नशा एक धीमा जहर है और नशे का विक्रय, क्रय एवं सेवन अपराध है। जिला के सभी विकास खंडों में खंड विकास अधिकारियों से डिजिटल माध्यम से वार्ता की गई ताकि खंड विकास अधिकारी पंचायत स्तर पर लोगों को विभिन्न कानूनों की जानकारी प्रदान कर सकें। उन्होंने बताया कि अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत ग्याणा में पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से डिजिटल माध्यम से लोगों को कानूनी अधिकार बताए गए। कण्डाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत सतड़ोल में विधिक जागरूकता शिविरों में कानूनी जानकारी के साथ-साथ कोविड-19 से बचाव व सुरक्षा के बारे में अवगत करवाया गया। जिला की ग्राम पंचायत मशीवर, जाडली तथा अन्हेच में भी विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में लोगों को आवश्यक कानूनी अधिकारों की जानकारी के साथ-साथ कोविड-19 से बचाव की दिशा में भी अवगत करवाया गया। गुरमीत कौर ने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से आयोजित किए गए वेबिनार में लगभग 650 लोगों को महिला सुरक्षा व घरेलू हिंसा अधिनियम की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवाएं प्राधिकण सोलन के यू-टयूब चैनल DLSA Solan में सोलन जिला में तैनात सभी न्यायिक दण्डाधिकारियों द्वारा विभिन्न कानूनों में बारे में लोगों को जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि किसी भी तरह की कानूनी जानकारी के लिए इस यू-टयूब चैनल को देखें व सारगर्भित जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता के लिए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01792-220713 पर किसी भी कार्य दिवस पर प्रातः 10.00 बजे से सांय 5.00 बजे तक सम्पर्क किया जा सकता है।
परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ने राज्य परिवहन विकास और सड़क सुरक्षा परिषद् की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा अभियान को जन अभियान बनाया जाएगा और इसे ‘सड़क सुरक्षा संस्कृति’ के रूप में स्थापित किया जाएगा। बिक्रम सिंह ने कहा कि लगभग 95 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाएं मानवीय गलतियों के कारण होती हैं। इनमें से 62.86 प्रतिशत दुर्घटनाएं ओवर स्पीड के कारण होती हैं जिन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करके कम किया जा सकता है। विभाग ने प्रदेश और जिलों में व्यापक रूप से सड़क-सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाए हैं जिसके फलस्वरूप पिछले वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में 7.62 प्रतिशत, मृत्यु दर में 5.13 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 11.65 प्रतिशत की कमी आई है। परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से ओवर स्पीडिंग, शराब पीकर गाड़ी चलाना, ओवर लोडिंग और ओवर टेकिंग जैसी गलत आदतों के प्रति लोगों को जागरूक कर हिमाचल प्रदेश को सुरक्षित राज्य बनाने के प्रयास करेंगे। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सड़कों के ब्लैक स्पाॅट्स को ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध कार्य पूरा न करने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लोक निर्माण, स्वास्थ्य और परिवहन विभाग को समन्वय स्थापित करके कार्य करना सुनिश्चित करें। परिवहन मंत्री ने कहा कि अधिकतर 20 से 30 आयु वर्ग लोग अधिकतर सड़क दुर्घटना के शिकार होते हैं। इसलिए विद्यालय स्तर पर बच्चों को सड़क-सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शीघ्र ही विद्यालयों में सड़क-सुरक्षा संबंधी पाठ भी पढ़ाए जाएंगे। सरकारी एवं निजी क्षेत्र से जुड़े हुए वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए प्रदेश भर में सेमीनार और जागरूकता शिविर आयोजित करवाए जाएंगे। बैठक की कार्यवाही का संचालन निदेशक परिवहन कैप्टन जे.एम. पठानिया ने किया। प्रधान सचिव परिवहन के.के पंत, प्रबंधन निदेशक हिमाचल पथ परिवहन निगम युनूस, निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग हरबंस सिंह ब्रसकोन और निदेशक स्वास्थ्य भारत भूषण सहित सरकारी और गैर सरकारी सदस्य इस बैठक में उपस्थित थे।
प्रदेश में नोबेल कोरोना वायरस कोविड-19 महामारी के संक्रमण के चलते एहतियात के तौर पर देव मंढोड़ समिति झुंडला की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया की पिछले कई वर्षों से प्रत्येक शरद नवरात्रि की अष्टम तिथि को जो मेला आयोजित किया जाता रहा है, इस वर्ष आयोजित नहीं किया जाएगा। इस वर्ष केवल देव पूजन ही किया जाएगा और इस देवपूजन कार्य मे सरकार के दिशा निर्देशों का पूर्णतः पालन किया जाएगा। इस मेले में प्रतिवर्ष होने वाली खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी नही रहेगा। समिति के सभी सदस्यों ने यह भी निर्णय लिया कि देव मन्दिर में जो भी श्रद्धालु देव दर्शन के लिए आएंगे वे मास्क व सेनेटाइजर का प्रयोग करके ही मन्दिर में प्रवेश कर पाएंगे। सभी को उचित शारीरिक दूरी के नियमों का पालन भी आवश्यक रूप से करना होगा। इस अवसर पर इस बैठक में समिति के प्रधान कृष्णकांत गौतम, चंद्रप्रकाश अंगिरस, राकेश कुमार शर्मा, ललित गर्ग तथा दीनानाथ उपस्थित रहे।
जिला पुलिस सोलन ने कोविड-19 से सम्बन्धित दिशा-निर्देशों के पालन एवं आमजन की सुरक्षा तथा जिला में दुर्घटनाओं एवं यातायात नियमों की अवहेलना के विषय में सूचना देने के लिए व्हट्स ऐप नम्बर जारी किए हैं। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक सोलन अभिषेक यादव ने दी। अभिषेक यादव ने कहा कि कोविड-19 से सम्बन्धित दिशा-निर्देशों के उल्लंघन को रोकने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से पुलिस नियंत्रण कक्ष सोलन में एक व्हट्स ऐप नम्बर स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से सम्बन्धित नियम उल्लंघन की सूचना व्हट्स ऐप नम्बर 78769-17563 पर दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि इस व्हट्सऐप नम्बर पर शिकायत एवं कोविड-19 से सम्बन्धित सूचना दी जा सकती है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दुर्घटनाओं तथा गलत पार्किंग अथवा तेज एवं लापरवाह वाहन चालन तथा ट्रैफिक जाम सहित यातायात नियमों की अवहेलना के सम्बन्ध में व्हट्स ऐप नम्बर 78769-17569 पर जानकारी दी जा सकती है। इस व्हट्स ऐप नम्बर को जिला नियन्त्रण कक्ष सोलन में स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष के इंचार्ज इन व्हट्स ऐप नम्बर पर प्राप्त सूचना एकत्रित करने एवं सम्बन्धित पुलिस थाना, पुलिस चैकी को सूचित करने के लिए उत्तरदायी होंगे।
कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कोविड-19 के बचाव के लिए निर्धारित नियमों की खुली अवहेलना कर रही है। उन्होंने कहा है कि मनाली में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में जिस प्रकार कोविड-19 के नियमों की धज्जियां भाजपा के नेताओं ने उड़ाई उससे साफ है कि इसके नियम और कानून कांग्रेस व आमजन के लिए ही है और भाजपा के नेताओं को इसकी खुली छूट है। किमटा ने कहा कि मनाली में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समारोह में कोरोना संक्रमित बंजार के भाजपा विधायक सुरेंद्र शौरी का आम लोगों से मिलना बेहद ही गंभीर मसला है। उन्होंने कहा कि शौरी पर कानून तोड़ने के लिए एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने जानबूझकर कर लोगों को में इस संक्रमण को फैलाने की कोशिश की है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के दोषी अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए जिन्होंने इस रिपोर्ट पर अपनी कोई कार्यवाही नहीं की और न ही उन्हें आइसोलेशन में किया।उन्होंने कहा कि जबकि सरकार ने इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले महत्वपूर्ण व्यक्तियों की सभा स्थल से पूर्व कोविड जांच की बात कही थी, पर ऐसा कुछ नही किया गया। किमटा ने कहा है कि सरकार अपने ही कायदे कानून की धज्जियां उड़ाने में लगी है।यही कारण है कि मुख्यमंत्री कार्यालय भी अब कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री के कोरोना पोस्टिंब होना भी चिन्ता का विषय है। राज्य सचिवालय पर भी इस संक्रमण का भय बढ़ता जा रहा है और इस सबके लिए भाजपा सरकार पूरी तरह दोषी है। किमटा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप को कांग्रेस अध्यक्ष को छोड़ अपनी पार्टी की चिन्ता करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि मनाली में प्रधानमंत्री का इतना बड़ा कार्यक्रम हुआ उसमें उनका नाम तक नही आया, ऐसे में उन्हें अपने प्रदेशाध्यक्ष होने के महत्व का पता चल ही गया होगा। भाजपा में जिस प्रकार अंतर्कलह चल रही है कश्यप को उसकी चिंता करनी चाहिए न कि कांग्रेस अध्यक्ष की।
राजगढ़। न्यू पेंशन कर्मचारी महासंघ ब्लाक राजगढ़ ने एसडीएम नरेश वर्मा राजगढ़ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा। इस ज्ञापन के माध्यम से न्यू पेंशन स्कीम में आने वाले कर्मचारियों ने सरकार से गुजारिश की है कि न्यू पेंशन स्कीम को खत्म करके इसके स्थान पर पुरानी पेंशन प्रणाली को लागू किया जाए क्योंकि इस न्यू पेंशन प्रणाली में बहुत खामियां हैं और कर्मचारियों का पैसा निजी कंपनियों या शेयर मार्केट में लगाया जा रहा है जोकि बहुत जोखिमों के अधीन है। आज रिटायर हो रहे कर्मचारी को सिर्फ नाम मात्र पेंशन मिल रही है जिससे घर के राशन का गुजारा हो पाना भी बहुत मुश्किल है। इस ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अनुरोध किया कि 2009 के केंद्र के लाभ हिमाचल प्रदेश में भी लागू किए जाएं। इस अवसर पर अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, उपाध्यक्ष सुशील शर्मा, सचिव दिनेश शर्मा ,कोषाध्यक्ष विपुल दानी बलबीर सिंह श्यामानंद शर्मा, अजय दत्त, घनश्याम, जोगिंदर सिंह, विक्रम चौहान, सोहन सिंह, सुखदेव शर्मा, रुचि कश्यप, दिनेश, भानु प्रताप,घनश्याम, कुछल, उमा दत्त आदि उपस्थित थे
आज अखिल भारतीय विद्यार्थी सोलन इकाई द्वारा उप मण्डल दण्डाधिकारी सोलन अजय कुमार यादव के माध्यम से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। इकाई सचिव राघव ठाकुर ने कहा की विद्यार्थी परिषद छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश भर में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा की सरकार इन मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है। प्रदेश भर के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की कमी के कारण इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। इकाई सचिव राघव ठाकुर ने बताया कि पहले भी नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को लेकर जांच और बर्खास्त करने की मांग रखी थी परंतु प्रदेश सरकार जो भृष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की बात कहती है। स्वास्थ्य घोटाले के आरोप लगते ही सरकार ने जांच बैठा दी लेकिन अगर शिक्षण संस्थानों में ऐसे आरोप लगे तो सरकार के कानों में जुं तक नहीं रेंगी। विश्विद्यालय में हो रही शिक्षकों की भरती को लेकर भी उन पर सवाल खड़े किये जा रहे हैं और मनमाने रवैये के आरोप उन पर लग रहे हैं लेकिन प्रदेश सरकार मुकदर्शक बन कर बैठी है। ऐसे प्रदेश स्तर में विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन करने जा रही है। 1. केंद्रीय विवि के स्थाई परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर पूरा किया जाये। 2. कलस्टर विवि, हि.प्र विवि, तकनीकी विवि में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की भर्ती शीघ्र की जाए। 3. नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को बर्खास्त किया जाए। 4. निजी विश्वविद्यालयों में छात्रों का शोषण बंद किया जाए। 5. प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था चरमराई हुई है मेडिकल महाविद्यालयों के आधारभूत ढांचे को तुरंत सुधारा जाए। 6. छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। 7. एससी/एसटी स्कॉलरशिप जल्द जारी की जाए। 8. जेबीटी कमिशन में जेबीटी छात्रों को प्राथमिकता दी जाए।
हिमाचल प्रदेश में कोरोना का असर अब जयराम सरकार के मंत्रियों पर भी देखने मिल रहा है। सीएम के क्वारंटाइन होने के बाद अब शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है की बुधवार सुबह अचानक स्वास्थ्य खराब होने के चलते शहरी विकास मंत्री की पत्नी को शिमला के आईजीएमसी अस्पताल लाया गया। यहां पर उनका कोविड टेस्ट हुआ जो कि पॉजिटिव आया। इसके बाद शहरी विकास मंत्री और उनकी बेटी का कोविड टेस्ट किया गया जिसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इन्हें आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
चौपाल में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। देहि नदी में कार गिरने से एक महिला सहित तीन की मौत हो गई। वहीं कार चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मंगलवार देर शाम का बताया जा रहा है। देहा थाना क्षेत्र के माई पुल के पास एक कार अनियंत्रित हो कर नदी में गिर गई। हादसे के दौरान कार के कुल चार लोग शामिल थे जिन में से तीन की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है की कार में दो सगे भाई और उनके रिश्तेदार सवार थे व धगाली की तरफ जा रहे थे। इसी बीच माई पुलिस के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान 23 वर्षीय लोकेंद्र, 22 वर्षीय निखिल और 50 वर्षीय लीला शर्मा के रूप में हुई है। दोनों मृतक युवक धगाली जबकि मृतक महिला कुमारसेन की निवासी थी। कार को मृतक लोकेंद्र का भाई, यशपाल (19) चला रहा था और वह गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। शवों को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
कोरोना पॉजिटिव विधायक के समपर्क में आने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया था। मुख्यमंत्री के तीन दिन क्वारंटाइन होने के कारण 9 अक्तूबर को प्रस्तावित कैबिनेट की मीटिंग टल गई है। मिली जानकारी के अनुसार 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री का कोरोना टेस्ट किया जाएगा। बता दें सीएम तीन दिनों के लिए स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं, ऐसे में अब कैबिनेट की बैठक ताल दी गई है। इस बार की कैबिनेट बैठक को अहम मन जा रहा था। इस बार इंटरस्टेट बसों के चलने और स्कूल खोलने जैसे मुद्दों पर फैसले होने वाले थे।
हिमाचल प्रदेश की न्यू लाइफ लाइन संस्था के समाज सेवी डॉ आनंद कागरा और उनकी टीम आए दिन लोगों की मदद के लिए आगे आती रहती है। पिछले कुछ समय से ये समाज सेवी संस्था कई जरूरत मन्द लोगों का इलाज करा चुकी हैं। एक बार फिर संस्था ने मंडी ज़िला की कनैड पंचायत की रहने वाली 47 वर्षीय शकुंतला देवी का जीवन बचाने का जिम्मा उठाया है। शकुंतला देवी पिछले दिनों हादसे का शिकार हो गई थी जिससे उनकी रीड की हड्डी पर चोट आने के कारण जिंदगी और मौत से लड़ रही है। डॉक्टर्स ने शकुंतला देवी को ऑपरेशन के लिए कहा है। अगर समय पर ऑपरेशन न हुआ तो शकुंतला देवी पूरी उम्र भर के लिए अपाहिज हो सकती है या इनकी मौत हो सकती है। इनका उपचार IGMC शिमला मे चल रहा है जहा डॉक्टर ने ऑपरेशन का खर्च 75 हजार बताया है। परिवार इस खर्च को वहन करने मे असमर्थ हैं जिसके बाद परिवार ने दानी सज्जनों से मदद की गुहार लगाई है। परिवार मे शकुंतला देवी के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और 2 बेटे हैं। बड़ा बेटा कुछ समय पहले बीमार था तो संस्था की तरफ से मदद कर जीवन बचाया गया था, छोटा बेटा मजदूरी करके घर का खर्च चलाता है। अब कोरोना काल मे वो भी बंद पड़ा है जिससे परिवार की हालत बहुत दयनीय हो गई है। न्यू लाइफ लाइन संस्था ने एक बार फिर से उस पीड़ित परिवार के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से मदद की गुहार लगाई है जो कोई दानी सज्जन मदद करना चाहें वो अपनी स्पर्धा अनुसार मदद कर सकता है।
अर्की। हि.प्र. कांग्रेस सेवादल के मुख्य संगठक अनुराग शर्मा के आदेशानुसार प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश संगठन सचिव सुरेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में अर्की ब्लाक कांग्रेस सेवादल ने उत्तर प्रदेश के हाथरस व बलरामपुर में हुए अत्याचारों के खिलाफ अर्की बाज़ार में कैंड़ल मार्च निकाला। सुरेन्द्र वर्मा ने कहा कि जिस तरह से उत्तर प्रदेश में आए दिए बलात्कार की घटनाएं हो रही है वह बीजेपी शासित उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की नाकामियों को दर्शाती है व जिस तरह से आधी रात को हाथरस व भारत की बेटी का अंतिम संस्कार किया गया वह निंदनीय है। कांग्रेस सेवादल इसका पूरजोर विरोध करता है व उत्तर प्रदेश व केंद्र सरकार से मांग करता है कि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिले व दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष संजय ठाकुर, ब्लाक कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष जय प्रकाश ठाकुर, राकेश ठाकुर प्रदेश महासचिव यंग ब्रिगेड सेवादल, बेगी राम, विजय राम, हीरा कौंडल, भीम ठाकुर, गौरव ठाकुर, नरेश ठाकुर, रोशन वर्मा, हेमंत जोशी, कपिल ठाकुर, नरेंद्र शर्मा, ओम प्रकाश, मदन लाल, रैंबो, हेमचंद शर्मा, आयुष शर्मा, पदम आचार्य, पंकज व अन्य सेवादल स्वयंसेवियों ने कैंडल मार्च में भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोकपुर ने आज राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से भेंट कर उन्हें प्रदेश के भेड़ पालकों की समस्याओं के बारे में एक ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुल पशुधन में 44 प्रतिशत भेड़ें और बकरियां शामिल है और इनका प्रदेश की आर्थिकी में योगदान है। उन्होंने कहा कि भेड़ पालकों के व्यवसाय को संरक्षित रखना एक बड़ी चुनौती बन गई है। उन्होंने राज्यपाल को भेड़ पालकों की अन्य समस्याओं से भी अवगत करवाया। राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और भेड़ पालकों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी ताकि वे अपना व्यवसाय जारी रख सकें।
जिला आयुर्वेद विभाग सोलन द्वारा ‘आयुष द्वारा एनीमिया रोकथाम’ जागरूकता अभियान का द्वितीय चरण आज से आरम्भ हुआ। अभियान के तहत धर्मपुर विकास खंड की 37 ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविर आयोजित कर एनीमिया के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। यह जानकारी जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण के तहत 06 अक्तूबर से 16 अक्तूबर 2020 तक धर्मपुर की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत जाडला, आंजी मातला, नालका तथा चामियां में एनीमिया तथा कोविड-19 के बारे में जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि इन ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में 224 रोगियों की एनीमिया जांच की गई। ग्राम पंचायत जाडला में 72, ग्राम पंचायत चामियां में 62, ग्राम पंचायत आंजी मातला में 33 तथा ग्राम पंचायत नालका में 57 रोगियों की स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में जिन रोगियों का हीमोग्लोबिन स्तर सामान्य से कम पाया गया उन्हें पूरी जांच तथा आवश्यक दवाओं के लिए परामर्श दिया गया। डाॅ. राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि इन शिविरों में लोगों को बताया गया कि शरीर में रक्त की कमी के कारण एनीमिया होता है। इस रोग में शरीर के रक्त कोशिकाओं का स्तर सामान्य से कम हो जाता है। महिलाओं में एनीमिया की शिकायत ज्यादा पाई जाती है। उन्होंने कहा कि शिविर में लोगों को एनीमिया के लक्षण बताए गए। थकावट, कमजोरी, सुस्ती, शिथिलता, घबराहट, सिरदर्द, चक्कर आना, धड़कन व सांस चढ़ना, भूख की कमी, नींद की कमी, छाती व पेट में दर्द, कानों में आवाज सुनाई देना, तेज सुनाई देना, चिड़चिड़ापन, एकाग्रता में कमी, जीभ या मुंह पकना अथवा छाले पड़ना, नाखूनों में सफेदी, पतलापन, सूखापन व रूखापन, त्वचा में सफेदी या पीलापन, आंखों के चारों ओर सूजन, पैरों में सूजन, पैरों का सुन्न होना, पिण्डलियों में दर्द व ऐंठन, मिट्टी, कोयला, लकड़ी आदि खाने का मन करना एनीमिया के लक्षण हैं। शिविरों में लोगों को संतुलित आहार लेने के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को आयरन, कैल्शियम, विटामिन, कार्बोहाईड्रेट तथा फाइबर युक्त आहार लेने का परामर्श दिया गया। शिविरों में कोविड-19 से सुरक्षा के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि लोगों को सोशल डिस्टेन्सिग, मास्क पहनने तथा 20 सेकेंड तक साबुन से हाथ धोने या सेनिटाइजर के उपयोग करने के बारे में बताया गया। लोगों को बताया गया कि कोई भी संक्रमण या बीमारी तभी प्रभावित करती है जब हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है। लोगों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपाय बताए गए। इस अवसर पर रोगियों को एनीमिया की दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं। आयुर्वेदिक चिकित्सक डाॅ. मंजेश शर्मा, डाॅ. प्रियंका सूद, डाॅ. कामिनी, डाॅ. रक्षा तथा आयुर्वेद विभाग के अन्य कर्मचारी एवं स्थानीय निवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
चंबा। आज जिला कार्यक्रम अधिकारी चंबा डॉ करन हितेंषि ने खंड चूडी के तहत उप स्वास्थ्य केंद्र मंगला का दौरा किया। इस दौरान उन्होनें वहा तैनात स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता के द्वारा COVID-19 के दौरान उनके द्वारा किए गए कार्य की सराहना की। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र में दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का जायज़ा भी लिया और उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम और स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंनेे स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता को उन के क्षेत्र में गर्भावस्था के दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं जेसे सम्पूर्ण टीकाकरण, सुरक्षित प्रसव के बारे में जागरूक करने को कहा। उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र मंगला में कार्य कर रही हेम लता महिला स्वस्थ्य कार्यकर्ता और आशा कार्यकर्ता को उन के बेहतरीन कार्य प्रदर्शन पर सराहा। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्य की अच्छी प्रथाओं को अन्य संस्थानों में भी दोहराया जाना चाहिए।
दाड़लाघाट। नौणी-बागा सड़क मार्ग की खस्ता हालत होने से लोगों व वाहन चालको को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस सड़क मार्ग पर रोजाना दर्जनों वाहन आवागमन करते है। यह सड़क मार्ग दाड़लाघाट व कंसवाला से लिंक होने के बाद भी अपनी दयनीय हालत पर रोना रो रहा है। इस सड़क मार्ग को लेकर कई बार क्षेत्र के लोगों व सामाजिक संस्थाओं ने विभाग से इसकी मुरम्मत करने का आग्रह किया है लेकिन इस पर अभी तक कोई भी सकारात्मक कार्य नहीं हो पाया है। सुधार सभा दाड़लाघाट के महा सचिव प्रेम केशव ने कहा कि उन्होंने कई बार नौणी-बागा सड़क मार्ग को लेकर विभाग को अवगत करवाया है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इस सड़क कार्य को करवाने को लेकर की केवल हामी ही भरी जाती है लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग ने माना था कि इस सड़क मार्ग पर टायरिंग व अन्य कार्य शुरू किया जायेगा लेकिन कुछ भाग में यह कार्य होने के बावजूद कार्य फिर से अधर में लटक गया है। प्रेम केशव व अन्य लोगों ने विभाग से मांग की है कि इस सड़क मार्ग को जल्द से जल्द ठीक किया जाए व जगह जगह पड़े गड्डो से वाहनों चालको को निजात दिलाई जाए ताकि उन्हें भविष्य में किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। जब इस बारे सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग दाड़लाघाट बीआर कश्यप से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आजकल बजट की कमी चल रही है जैसे ही बजट आ जाएगा इस सड़क का मुररंमत कार्य कर दिया जाएगा।
दाड़लाघाट। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ की राज्य कार्यकारणी की बैठक सोलन जिला के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल धुन्दन में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांतध्यक्ष पवन कुमार ने की। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री महेंद्र कपूर बतौर मुख्यातिथि शामिल रहे जबकि राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पवन मिश्रा विशिष्ट अतिथि के के रूप में मौजूद रहे। बैठक में प्रदेश के 10 जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया जिसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों के साथ शिक्षकों से जुङी विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। महासंघ की तरफ से सोलन जिला के प्रधान नरेंद्र कपिला को सरकार द्वारा राज्य शिक्षक पुरस्कार दिए जाने के लिए सम्मानित किया गया।मुख्यातिथी राष्ट्रीय संगठन महामंत्री महेंद्र कपूर ने उपस्थित पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हम शिक्षक पहले है जबकि संगठन में जिम्मेदारी दुसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि देश के 30 करोड़ विद्यार्थी हमारे हिस्से में है जिन्हें संवारना हमारा राष्ट्रीय दायित्व है। संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ उपयोगी नागरिक निर्माण करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगवीर चंदेल, उपाध्यक्ष जय शंकर, अतिरिक्त महामंत्री सुधीर गौतम, वीरेंद्र चड्ढा, अनिता वर्मा, रविदत्त शर्मा, तीर्थानंद शर्मा, जिला मंडी के प्रधान भगत चंदेल, शिमला से अशोक कुमार, सिरमौर से विजय कंवर, सोलन से नरेंद्र कपिला, हमीरपुर से नरेश शर्मा, कांगङा से जोगिद्र शर्मा, ऊना से सुशील मल्होत्रा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
दाड़लाघाट। शिमला मंडी नेशनल हाइवे पर ब्रमपुखर के पास एक बेसहारा बैल को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। कुछ स्थानीय लोग और गौ पुत्र बैल की मदद के लिए आगे आए लेकिन कुछ घण्टों बाद घायल बैल ने दम तोड़ दिया। गौ पुत्र सेना के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि बैल के घायल होने की सूचना जैसे ही उन्हें मिली वो अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँच गए और पैरा वेट ने बैल का उपचार शुरू किया लेकिन बहुत कोशिशों के बावजूद वो घायल बैल की जान नही बचा सके। स्थानीय लोगों की मदद से बैल को दफना दिया गया। महेंद्र ठाकुर और स्थानीय लोगों ने सरकार के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि सरकार सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंश के लिए जमीनी स्तर पर कोई ठोस कदम नही उठा रही है। महेंद्र ठाकुर ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने एक गाड़ी पकड़ी जिसमें 12 बैल ठूंस ठूंस कर भरे हुए थे जिन्होंने उन्हें पुलिस की मदद से दूसरी गाड़ी में शिफ्ट करवाया। हालांकि इनको ले जा रहे लोगों के पास कागजात थे लेकिन 12 बेलों को एक गाड़ी में अमानवीय तरीके से समान की तरह ठूंस कर भरा हुआ था। उन्होंने स्थानीय किसानों से अपील की है कि वो जब भी किसी पशु व्यापारी या बाहरी व्यक्ति को पशुधन बेचते है तो उनके आधार कार्ड अवश्य ले ले ताकि अगर वो इन्हें रास्ते में छोड़ देते है तो उन्हें सबक सिखया जा सके।
शिमला। प्रदेश सचिवालय में कोरोना का कहर थम नहीं रहा है। अब मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रधान निजी सचिव डॉ आर एन बत्ता की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव को पिछले कुछ दिनों से बुखार था और आज उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह किसके संपर्क में आए फिलहाल इसका पता लगाया जा रहा है। प्रदेश में कोरोना के आज 36 नए मामले आए हैं।
मंगलवार को अटल टनल रोहतांग के पास बड़ा हादसा होते-होते टला है। बता दें मनाली-केलांग मार्ग पर, अटल टनल से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे, आलू की बोरियों से लदा ट्रक एक कार पर पलट गया। गनीमत रही उस समय कार में मौजूद व्यक्ति ने ट्रक की स्पीड को भांप लिया और कार से छलांग मार सुरक्षित दूरी पर चला गया, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। जानकारी के मुताबिक कार हरयाणा से हिमाचल घूमने आए पर्यटकों की थी व हादसे के समय हाईवे के किनारे पर पार्क थी। इस दौरान विपरीत दिशा से आता हुआ एक ट्रक अचानक कार पर पलट गया। ऑय विटनेसेस की मने तो हादसे से पहले गाड़ी की पिछली सीट पर एक व्यक्ति बैठा हुआ था जिसने ट्रक की स्पीड भांपते हुए सुरक्षित जगह के लिए छलांग लगा दी। हालाँकि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई पर व्यक्ति बाल-बाल बचा। रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
बैजनाथ। आज बैजनाथ कृषि सहकारी समिति चुनाव सर्वसम्मति से हुआ जिसके प्रधान अमित कपूर चुने गए। वहीं साथ में नागेश अवस्थी उप प्रधान एवं सरदार जसवंत सिंह सन्नी को कोषाध्यक्ष चुना गया। बता दें की पूर्व प्रधान के द्वारा अपना इस्तीफा दे दिया गया था तथा यह पद खाली चल रहा था। आज सभी चयनित सदस्यों द्वारा मीटिंग बुलाई गई तथा यह चुनाव सर्वसम्मति से सम्पन्न हुआ। वही अमित कपूर का कहना है कि समिति से सम्बंधित लोगों के कार्यों को शीघ्र पूरा करने में वह प्रयासरत रहेंगे।
आज अखिल भारतीय विद्यार्थी जिला सोलन द्वारा पत्रकार वार्ता की गई। सोलन जिला संयोजक पवन शर्मा ने कहा की विद्यार्थी परिषद छात्रहितों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदेश भर में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा की सरकार इन मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं है। पवन शर्मा ने कहा की पिछले 11 सालों से राजनीतिक भेंट के कारण केंद्रीय विश्वविद्यालय का अभी तक स्थायी भवन नहीं बन पाया है। प्रदेश भर के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की कमी के कारण इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। पवन शर्मा ने बताया कि पिछली प्रेसवार्ता में भी नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को लेकर जांच और बर्खास्त करने की मांग रखी थी परंतु प्रदेश सरकार जो भृष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की बात कहती है। स्वास्थ्य घोटाले के आरोप लगते ही सरकार ने जांच बैठा दी लेकिन अगर शिक्षण संस्थानों में ऐसे आरोप लगे तो सरकार के कानों में जुं तक नहीं रेंगी। विश्विद्यालय में हो रही शिक्षकों की भरती को लेकर भी उन पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं और मनमाने रवैये के आरोप उन पर लग रहे है, लेकिन प्रदेश सरकार मुकदर्शक बन कर बैठी है। ऐसे प्रदेश स्तर में विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलन करने जा रही है। 1. केंद्रीय विवि के स्थाई परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर पूरा किया जाये। 2. कलस्टर विवि, हि.प्र विवि, तकनीकी विवि में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की भर्ती शीघ्र की जाए। 3. नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को बर्खास्त किया जाए। 4. निजी विश्वविद्यालयों में छात्रों का शोषण बंद किया जाए। 5. प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था चरमराई हुई है मेडिकल महाविद्यालयों के आधारभूत ढांचे को तुरंत सुधारा जाए। 6. छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। 7. एससी/एसटी स्कॉलरशिप जल्द जारी की जाए। 8. जेबीटी कमिशन में जेबीटी छात्रों को प्राथमिकता दी जाए। इन सभी मुद्दों को लेकर विद्यार्थी परिषद आंदोलनरत रहेगी, जिसमें 7 अक्टूबर को डीसी व एसडीएम के माध्यम से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन; 9,10 अक्टूबर को शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को मास ईमेल की जाएगी एवं प्लेकार्ड अभियान चलाया जायेगा। वहीं 12, 13, 14 अक्टूबर को हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा एवं विधायकों व सांसदों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। 16 अक्टूबर को जिला केंद्र में प्रदर्शन किया जाएगा। उपरोक्त मागों को लेकर सकारात्मक कदम जल्द से जल्द प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन नहीं उठाता है तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा करने में विद्यार्थी परिषद पीछे नहीं हटेगी।
प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के हिमाचल दौरे के बाद कुल्लू के बंजार से विधायक सुरेंदर शौरी के कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। बता दें कि 3 अक्टूबर को पीएम ने रोहतांग अटल टनल का शुभारम्भ किया था। उस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और वन मंत्री राकेश पठानिया पीएम के संपर्क में रहे। अब वहीं बीते कल कुल्लू के बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिस के बाद से ही सीएम ने खुद को क्वारंटाइन कर लिया है। बताया जा रहा है कि सीएम पॉजिटिव आए विधायक के प्राइमरी कांटेक्ट में थे। स्वास्थ्य विभाग को शौरी के कोरोना पॉजिटिव होने की रिपोर्ट टनल उद्घाटन कार्यक्रम से एक दिन पहले 2 अक्तूबर को ही मिल गई थी। हिमाचल सरकार की इस बड़ी चूक से पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के लिए भी कोरोना का खतरा पैदा हो गया है। इस खबर ने हिमाचल में हड़कंप मचा दिया है। स्वास्थ्य विभाग कि इस चूक से सीएम कार्यालय से लेकर पीएम कार्यालय तक कोरोना का खतरा मंडरा रहा है। मुख्यमंत्री कि माने तो शौरी के पॉजिटिव होने की जानकारी उन्हें 3 अक्तूबर को मिली थी। उन्होंने बताया कि अभी तक प्रधानमंत्री कार्यालय को इसकी जानकारी नहीं दी गई है। वहीं, अटल टनल कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी से नजदीक से बात करने वाले वन मंत्री राकेश पठानिया भी संक्रमित विधायक के संपर्क में आए थे। वह भी आइसोलेट हो गए हैं। पठानिया ने कहा कि शौरी के पॉजिटिव आने की जानकारी मुख्यमंत्री के क्वारंटीन होने के बाद मिली है। उन्होंने बताया कि शौरी से दूर से ही उनकी मुलाकात हुई थी और दोनों ने ही मास्क लगाए थे। फिर भी कोविड प्रोटोकॉल के तहत खुद को क्वारंटीन कर लिया है। मुख्यमंत्री, मंत्री के क्वारंटीन होने के बाद सीएम से ही प्रदेश के कई दिग्गज नेता, राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा समेत अन्य क्वारंटीन हो गए हैं। वही शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा है कि उन्होंने विधायक से मुलाकात नहीं की थी। इस वजह से वह अभी तक क्वारंटीन नहीं हुए हैं।
परिवहन विभाग की ओर से इंटरस्टेट बसों में व्यवस्था को लेकर एसओपी तैयार कर दी गई है। जारी निर्देशों के मुताबिक अब हिमाचल सरकार द्वारा बहरी राज्यों के लिए जाने वाली बसों में बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों के लिए सीटें आरक्षित की जाएंगी। सीट नंबर 2 से 6 तक सीटें इनके लिए रिज़र्व रहेंगी, वहीं 1 नंबर सीट कंडक्टर के लिए रहेगी। कंडक्टर सवारियों को बस में चढ़ने से पहले टिकट देगा। साथ ही बिना मास्क बसों में किसी को सफर नहीं करने दिया जाएगा। परिवहन विभाग ने एसओपी तैयार कर सरकार को भेज दी है। अब इस मामले को कैबिनेट बैठक में लाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक इंटर स्टेट बसें 60 प्रतिशत सीटों के साथ शुरू होंगी। डीलक्स बसों में 50 प्रतिशत सीटों पर यात्री सफर कर सकेंगे। यानी अब 100 सीटर बसों में 50 यात्री सफर कर सकेंगे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश की प्रांत कार्यसमिति बैठक 1 और 2 अक्टूबर 2020 को शिमला में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रांत अध्यक्ष डॉ सुनील ठाकुर, प्रान्त मंत्री राहुल राणा व प्रांत संगठन मंत्री कौल नेगी ने की। बैठक में विशेष रूप से राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रफुल्ल अकांत, उत्तर क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ नागेश ठाकुर जी उपस्थित रहे। बैठक का विधिवत उद्घाटन राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री प्रफुल्ल अकांत, प्रान्त अध्यक्ष डॉ सुनील ठाकुर, प्रान्त मंत्री राहुल राणा व प्रान्त संगठन मंत्री कोल नेगी ने किया। बैठक में विद्यार्थी परिषद के पूर्व में हुए कार्यक्रमों व गतिविधियों की समीक्षा की गई व आगामी कार्यक्रमों की योजना एवं रूपरेखा तैयार की गई। इस बैठक में रचनात्मक एवं आंदोलनात्मक कार्यों की समीक्षा भी की गई । विद्यार्थी परिषद के विविध आयामों के कार्य की भी चर्चा की गई। प्रांत मंत्री राहुल राणा ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण पैदा हुई विपरीत परिस्थितिओं को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष विद्यार्थी परिषद् का सदयस्ता अभियान ऑनलाइन माध्यम से होना तय हुआ है। इस अभियान का द्वितीय चरण 12 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। पिछेल 11 सालों से राजनितिक भेंट के कारण केंद्रीय विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य अभी तक आरम्म नहीं हुआ है प्रदेश भर के लगभग सभी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की कमी के कारण इसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। प्रांत कार्यसमिति बैठक में आगामी विषयों को लेकर प्रदेश स्तर में विभिन्न निम्नलिखित ज्वलत मुद्दों को लेकर आंदोलन करने जा रही है। 1. केंद्रीय विवि के स्थाई परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर पूरा किया जाए। 2. कलस्टर विवि, हि.प्र विवि, तकनीकी विवि में शिक्षकों एवं गैर शिक्षकों की भर्ती शीघ्र की जाए। 3. नौणी विवि के भ्रष्ट कुलपति को बर्खास्त किया जाए। 4. निजी विश्वविद्यालयों में छात्रों का शोषण बंद किया जाए। 5. प्रदेश में चिकित्सा व्यवस्था चरमराई हुई है मेडिकल महाविद्यालयों के आधारभूत ढांचे को तुरंत सुधारा जाए। 6. छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। 7. एससी/एसटी स्कॉलरशिप जल्द जारी की जाए। 8. जेबीटी कमिशन में जेबीटी छात्रों को प्राथमिकता दी जाए। विद्यार्थी परिषद ने प्रांत कार्यसमिति बैठक में सभी मांगों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा बनाई है जिसमें 7 अक्टूबर को DC व SDM के माध्यम से शिक्षा मंत्री को ज्ञापन; 9,10 अक्टूबर को शिक्षा मंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल को मास ईमेल एवं प्लेकार्ड अभियान; 12,13,14 अक्टूबर को हस्ताक्षर अभियान, MLA/ MP को ज्ञापन; 16 अक्टूबर को जिला केंद्रों पर प्रदर्शन। उपरोक्त मागों को लेकर सकारात्मक कदम जल्द से जल्द प्रदेश सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन नहीं उठता है तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा करने में विद्यार्थी परिषद पीछे नहीं हटेगी ।
हमीरपुर। जिला में सोमवार को आरटी पीसीआर टैस्ट में 14 लोग कोरोना पाॅजीटिव पाए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. अर्चना सोनी ने बताया कि पाॅजीटिव पाए गए लोगों में भोरंज उपमंडल के गांव कक्कड़ की 51 वर्षीय, 63 वर्षीय और 28 वर्षीय तीन महिलाएं, गांव मुुंडखर के तीन लोग 9 वर्षीय लड़का, 10 वर्षीय लड़का और 69 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के प्राथमिक संपर्क के कारण नादौन के गांव टिल्लू के तीन लोगों 62 वर्षीय व्यक्ति, 57 वर्षीय महिला और 30 वर्षीय महिला, गांव अणु कलां के दो लोगों 75 वर्षीय बुजुर्ग तथा 17 वर्षीय लड़की की रिपोर्ट पाॅजीटिव आई है। लेह से लौटा टौणी देवी के गांव छत्रैल का 21 वर्षीय युवक, टौणी देवी में बिहार से आया 29 वर्षीय व्यक्ति और जलाड़ी क्षेत्र के गांव मतियाल का 28 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना संक्रमित पाया गया है।
जिला अधिवक्ता संघ बिलासपुर की बैठक अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष चमन ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस बैठक में राजेंद्र हांडा वरिष्ठ अधिवक्ता के आकस्मिक निधन पर 2 मिनट का मौन रखा गया व उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। राजेन्द्र हांडा एक काबिल वकील होने के साथ साथ सक्रिय समाजसेवी भी थे। वह हमेशा गरीबों को सहयोग करने वाले व्यक्तित्व थे। जिला अस्पताल में लगे नियमित लंगर में भी उनका हमेशा तन मन धन से सहयोग रहा। स्वर्गीय राजेंद्र हांडा स्पष्ट वादी व निडर अधिवक्ता थे। इमरजेंसी के समय 1975 में वह जेल में भी रहे। जिला अधिवक्ता संघ उनकी आत्मा को हमेशा शांति के लिए प्रार्थना करता है वह परिवार को सांत्वना देता है कि भगवान उनको इस क्षति को पूरा करने के लिए शक्ति प्रदान करें। बैठक में जिला व सत्र न्यायाधीश राकेश चौधरी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी हितेन्दर शर्मा, न्यायिक दण्डाधिकारी निकिता ताहिम, वरिष्ठ अधिवक्ता के के शर्मा, के के कौशल, अमृतलाल नड्डा, तेजस्वी शर्मा, नरेंद्र ठाकुर, सर्वजीत सिंह, आदित्य मोहन, विजय ठाकुर, जिला न्यायवादी विनोद भारद्वाज, नीरज बसु, रोशन लाल ठाकुर, रामशरण ठाकुर, रतन लाल शर्मा, होशियार सिह ठाकुर, भगत सिंह वर्मा, अश्वनी वात्सायन, राम लाल ठाकुर, ओम प्रकाश गौतम, अमर सिंह ठाकुर, राजेन्द्र रघु, राजेश भारद्वाज, प्रवेश चन्देल, राज कुमार, संजीव रनोट, विजय जालप, बाबू राम ठाकुर, मस्त राम बंसल, कुलदीप शर्मा, मनीष चंदेल, रूप लाल कटवाल, निर्मल परमार, पंकज वर्मा, राकेश कुटाल, नवजोत कुटाल, चंदन राणा, वनिता धीमान, प्रवेश चंदेल, कुसुम संख्यान, पूजा, निशा, स्वतंत्र कुमार, इंदर मोहन, गोपाल ठाकुर, अनुराग पंडित, अमित शर्मा, अनुपम शांडिल्य, रमित ठाकुर, अनिरुद्ध शर्मा, पंकज पाठक आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।
राजगढ़। शिक्षा खंड राजगढ़ में राजकीय प्रशिक्षित कला स्नातक संघ की बैठक का आयोजन किया गया। जिला सिरमौर के कला स्नातक संघ के महासचिव मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया की इस एक दिवसीय बैठक की अध्यक्षता राज्य कार्यकारिणी सदस्य प्रेम कश्यप द्वारा आयोजित की गई। मनोज कुमार ने बताया की सरकार द्वारा टी जी टी के 554 पदों को भरने के लिए अध्यापकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिसमे सिरमौर जिले में 5 अक्तुबर से टी जी टी के 554पदों को भरने के लिए अध्यापकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है जिसके लिय कला स्नातक संघ प्रदेश सरकार का आभार जताया है। इसके पश्चात संघ ने कुछ अन्य मुद्दों पर चर्चा की जिसमे सबसे पहले हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा के संधर्भ में अधिसूचना संख्या शिक्षा C A 1, 2 2004, 30 .1, 2005 व् प्रारंभिक शिक्षा विभाग संख्या 3 A 1 का बहलाव अक्षरता लागु करने व 4 ,9 ,2014 ACPS के संधर्भ में 7 ,7 ,2014 व 9 ,9 ,2014को रद किया जाए। साथ ही संशोधित ग्रेड पेय के संधर्भ में 28 ,2 ,2013 की अधिसूचनाओ को रद्द करना व् पदोन्नति की स्थिति में संशोधित ग्रेड पे पर 2 वर्ष की शर्त को तत्काल हटाया जाय व् सीधी भर्ती पर प्रथम नियुक्ती की स्थिति में संशोधित ग्रेड पे के मामले में 2 वर्ष को हटाना व् पुराणी पेंशन को बाहल करना। 26 ,4 ,2012 से पूर्व नियुक्त टी जी टी को नियमो में छुट देकर lec की पदोन्नति की विकल्प क व्वस्था को समाप्त करना, lec new के स्थान पर प्रवक्ता का नाम दिया जाय व् समस्त अध्यापक जिनका कार्यकाल एक ही पद पर 15 वर्ष हो गये हो उनको विशेष वेतन वृधिया की जाय साथ ही माननीय सर्वोच्च न्ययालय के निर्देशानुसार अध्यापको को गेर शिक्षक कार्य से मुक्त किया जाए। साथ ही बैठक में यह निर्णय लिया गया की जिला स्तर पर प्रयावरण का पद सर्जित किया जाए। संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की की हमारे इन जायज मुद्दों पर गौर किया जाय और शीघ्र इसे पूरा करने की कृपा करे ताकि सभी अध्यापकों को इसका लाभ मिले। बैठक में जिला कला स्नातक संघ के महासचिव मनोज कुमार, विपुल दानी, प्रवीण ठाकुर, रणजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
समाजसेवक व जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सोलन अनिल गुप्ता ने राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन के वाणिज्य प्रवक्ता नरेंद्र कपिला का अम्बुजा चौक दाड़लाघाट में स्वगात व अभिनंदन किया। इस दौरान समाजसेवक व जिला उपाध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सोलन अनिल गुप्ता ने प्रवक्ता नरेंद्र कपिला को राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। इस मौके पर प्रवक्ता धर्मपाल शुक्ला भी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश राज्य सरकार ने सोमवार को पीटरहॉफ में राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कारों की विभिन्न श्रेणियों में हिमाचल के शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किये। बता दें 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के मौके पर राजधानी शिमला स्थित राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित होना था। यह समारोह भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के निधन पर घोषित किये गए राष्ट्रीय शोक के कारण स्थगित किया गया था, जिसके चलते यह कार्यक्रम कार्यक्रम यूनेस्को के विश्व शिक्षक दिवस के मौके पर 5 अक्तूबर को शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित किया गया जिसमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। जिला सोलन के उपमंडल दाड़लाघाट से सम्बंध रखने वाले शिक्षक नरेंद्र कपिला को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने हेतु राज्य स्तरीय पुरस्कार से नवाजा गया। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुन्दन के वाणिज्य प्रवक्ता नरेंद्र कपिला को राज्यपाल के कर कमलों द्वारा इस सम्मान से सम्मानित करने पर पूरे क्षेत्र के लिए अति गौरवपूर्ण अवसर है। नरेंद्र कपिला प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर, जो शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य हेतु राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हैं, नरेंद्र कपिला उनके साथ धुंदन स्कूल में कार्य कर रहे हैं। नरेंद्र कपिला के पिता स्वर्गीय जीत राम कपिला भी इसी विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे। नरेंद्र कपिला की शिक्षा दीक्षा भी इसी विद्यालय से पूर्ण हुई। उनके अनुसार यह बहुत ही सौभाग्य की बात है कि उन्हें इसी विद्यालय में सेवा करने का मौका मिला है। नरेंद्र कपिला कहते हैं कि उन्हें प्रधानाचार्य के नेतृत्व में कार्य करने में बहुत आनंदानुभूति हो रही है। उन्होंने प्रधानाचार्य की कार्य कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर उन्होंने विद्यालय को बुलंदियों तक पहुंचाने हेतु प्रयास किए हैं। उनके मार्गदर्शन में मेधावी विद्यार्थियों ने बोर्ड की मेरिट लिस्ट में भी अपना नाम दर्ज करवाया है। उन्ही के मार्गदर्शन में कोविड-19 के चलते उन्होंने गांव गांव जाकर बच्चों को पढ़ाया।वे अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता पिता, धर्मपत्नी, बच्चों, परिवार के सदस्यों के शुभ आशीर्वाद को तथा प्रधानाचार्य तथा सभी सम्माननीय अध्यापक साथियों को देते हैं। विशेषकर अर्थशास्त्र के प्रवक्ता प्रकाश बट्टू के सहयोग को वह अपनी इस सफलता को समर्पित करते हैं। नरेंद्र कपिला ने सम्मान के लिए राज्यपाल, सीएम, शिक्षा मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा प्रणाली में बेहतर तरीके से कार्य करना में योगदान व निरन्तर छात्र छात्राओं समेत विद्यालय विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
सोलन। नगर परिषद सोलन के तहत वार्ड-14 में अस्सी के दशक में बनी हाऊसिंग कॉलोनी फेज-1 के ब्रीदिंग जोन में हिमुडा की तरफ से प्रस्तावित नई आवासीय कॉलोनी योजना के विरोध स्थानीय लोग फिर से मुखर हो गए हैं। आरोप है कि विरोध के बावजूद हिमुडा कॉलोनी के ब्रीडिंग जोन में आवासीय कॉलोनी बनाने को लेकर आमादा है। स्थानीय वेलफेयर सोसायटी ने इस संदर्भ में डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री और शहरी आवास मंत्री को ज्ञापन भेजा है। इससे पहले सोसाइटी पिछले वर्ष नेशनल ग्रीन ट्रीब्यूनल काे भी पत्र भेज चुकी है। सोसाइटी की कार्यकारी प्रधान मोहन चौहान और महासचिव राजीव कौड़ा ने कहा कि हाऊसिंग कॉलोनी में 300 परिवाराें के लिए ब्रीदिंग जोन का काम कर रहे ग्रीन एरिया के हरे भरे पेड़-पौधों काे काटकर हिमुडा 50 से 70 फ्लैट्स बनाने की योजना बना रही है। स्थानीय लोगों के विरोध के बावजूद सरकार ने हिमुडा प्लान को अप्रूव किया है। इस संदर्भ में रेजीडेंट वेलफेयर सोसायटी और स्थानीय लोग पिछले पांच साल से सरकार व विभाग से संवाद कर रहे हैं लेकिन हिमुडा आवासीय ब्लॉक बनाने को आमादा है। यही कारण है कि फ्लैट्स बनाने की योजना के खिलाफ लोग लामबंद हुए हैं। तर्क दिया जा रहा है कि शहरीकरण से सोलन शहर कंकरीट का जंगल बनता जा रहा है, जिससे पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा है। हाऊसिंग कॉलोनी में लोगों ने हिमुडा से इस लिए मकान व प्लॉट खरीदे थे कि यहां पर आवासीय नियम के मुताबिक ग्रीन एरिया छोड़ा गया हैं। अब हिमुडा खुद ही ग्रीन एरिया में आवासीय फ्लैट्स बनाने की जिद्द कर रहा है। कॉलोनी बनने से हरे पड़ों की बलि तो चढ़ने के साथ नालों में बह रही गंदगी से पर्यावरण प्रदूषित होगा। जानकारी के मुताबिक कॉलोनी के अंतिम छोर में नाले के ऊपर खाली पड़ी जमीन पर हिमुडा फ्लैट्स बनाएगा। लोगों का कहना है कि इस जमीन में लगे पेड़-पौधे वर्षो से स्थानीय लोगों के लिए ब्रीदिंग जोन का काम कर रहे हैं। पार्किंग, पानी व सीवरेज समस्या बढ़ेगी: कॉलोनी में पार्किंग की समस्या के चलते लोगों को सड़क किनारे ही वाहन पार्क करने पड़ रहे हैं। इससे कॉलोनी में अभी से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। रात के समय तो कॉलोनी से एंबूलेंस निकाला भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यदि हिमुडा यहां पर अतिरिक्त फ्लैट्स बनाता भी है तो ट्रैफिक की समस्या बढ़ जाएगी। साथ ही बड़े वाहनों को कॉलोनी की सड़क से गुजाराना आसान नहीं होगा। कॉलोनी में नगर परिषद तीन से चार दिन बाद पानी की सप्लाई करती है। इससे लोगाें को खासी दिक्कतें पेश आ रही है। कॉलोनी में अतिरिक्त आवासीय फ्लैट्स बनने से पानी की समस्या बढ़ जाएगी। इसी तरह कॉलोनी में सीवरेज व्यवस्था भी चरमरा रही है। आबादी बढ़ने से सीवर लाइनें बंद हो जाती है। नालों की तरफ बने सेफ्टिंक टैंक खुले में बह रहे हैं, जिससे प्रदूषण बढ़ रहा है। नई आवासीय कॉलोनी बनने से सीवरेज समस्या से निपटना मुश्किल हो जाएगा। 45 फीसदी एरिया में ही हो सकता है निर्माण: प्लान तहत आवासीय कॉलोनियों के लिए अधिग्रहण की गई जमीन के 45 फीसदी हिस्से में ही निर्माण किया जा सकता है जबकि 55 फीसदी हिस्सा सड़क, पार्क, पार्किंग, सीवरेज, पाथ और ग्रीन पैच के लिए छोड़ा जाता है। इस लिहाज से 1980 के दशक में बनी हाऊसिंग कॉलोनी कॉलोनी में पहले से ही 45 फीसदी एरिया में भवनों को निर्माण हो चुका है। कॉलोनी में अब नालों के आसपास की जमीन ही खाली पड़ी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब हिमुडा ने हाऊसिंग कॉलोनी के फ्लैट्स बेचे थे तो उसमें जमीन की लागत भी समायोजित की थी। ऐसे में हिमुडा को कॉलाेनी में नालों के आसपास खाली पड़ी जमीन में फ्लैट्स बनाने का अधिकार नहीं है।
कुनिहार। शिक्षक(पीईटी) संघ सोलन की विशेष बैठक का आयोजन शिव तांडव गुफा कुनिहार के प्रांगण में किया गया जिसमें सोलन जिला से संबंध रखने वाले प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक इस विशेष बैठक में सम्मिलित हुए। इस बैठक में सर्वप्रथम प्रशिक्षित बेरोजगार शारीरिक शिक्षक (पीईटी) संघ सोलन की कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया जिसमें यतेंद्र पाल को संघ का प्रधान, धर्मपाल को उप प्रधान, राजेंद्र कुमार को संघ का सचिव एवं सतवीर सिंह को सह सचिव , देवेंद्र कुमार को कोषाध्यक्ष, धनपाल को सह कोषाध्यक्ष एवं इंदर सिंह को कार्यकारी सदस्य के रूप में चुना गया। इसके अलावा कार्यकारिणी में नरेश कुमार, हीरा दत्त शर्मा, रोशन लाल राकेश कुमार, संतराज, पदम सिंह, रूपलाल, दलजीत सिंह सुरेंद्र सिंह, सुधीर कुमार, पंकज अरुण शर्मा, किरपाराम एवं राजकुमार को भी इस संघ की कार्यकारिणी के सदस्य के रुप में सम्मिलित किया गया। इस विशेष बैठक के आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए संघ के नवनियुक्त प्रधान यतेंद्र पाल ने बताया की इस बैठक में इसके अलावा संघ की भावी रणनीति पर सदस्यों के साथ गहन विचार विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि संघ के सदस्यों ने पहले भी विधायक दून निर्वाचन क्षेत्र परमजीत सिंह पम्मी के माध्यम से भी सरकार को अपने संघ की मांगों का ज्ञापन पत्र सौपा था। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं आयुर्वेदिक मंत्री डॉ राजीव सहजल को भी अपनी मांगों का ज्ञापन पत्र पिछले महीने सौंपा था। परंतु उसके बाद हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की कई बैठकें हो चुकी है, परंतु अभी तक भी मंत्रिमंडल में हिमाचल प्रदेश में सरकारी स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों( पीईटी) के हजारों रिक्त पदों के बारे में कोई भी सकारात्मक उचित कार्यवाही नहीं की गई है। इस प्रकार प्रदेश सरकार के उपेक्षा पूर्ण रवैया से हिमाचल प्रदेश के समस्त शारीरिक शिक्षक अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैंl हिमाचल प्रदेश में शारीरिक शिक्षा एवं शारीरिक शिक्षकों की निरंतर अवहेलना से संघ के सभी सदस्य अपने को बहुत आहत महसूस कर रहे हैं। सोलन संघ वर्तमान हिमाचल प्रदेश सरकार से रिक्त चल रहे हजारों शारीरिक शिक्षकों (पीईटी) के पदों को शीघ्र अति शीघ्र भरने का पुरजोर आह्वान करता हैं। साथ ही संघ ने यह भी चेताया है कि यदि भविष्य में वर्तमान सरकार ने इस विषय पर कोई भी सकारात्मक या ठोस कार्रवाई नहीं की तो प्रदेश स्तर पर मजबूर होकर के संघ को उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।


















































