कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में आज 6 मार्च को सत्र 2023-24 का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में कैबिनेट मंत्री आयुष, युवा सेवाएं और खेल, कानून एवं विधि परामर्श मंत्री यादवेंद्र गोमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जसवंत डढवाल तथा विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने महाविद्यालय के मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर पुरस्कृत भी किया। इससे पहले महाविद्यालय स्टाफ ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह, हिमाचली शॉल टोपी व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया साथ ही उनके साथ आए अन्य अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. किरण, प्रो. रजनी और प्रो. अंशु के द्वारा किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य महोदय प्रो. उपेंद्र शर्मा के द्वारा बहुत ही कम और चुनिंदा शब्दों में पूरे वर्ष का ब्यौरा सबके समक्ष साझा किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की झलक प्रस्तुत की जिससे खुश होकर मंत्री ने छात्रों को 31 हजार रुपये की धनराशि व नए सत्र में सेल्फ फाइनेंस कोर्सेज को लाने का आश्वासन दिया। वहीं, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जसवंत डडवाल ने 2100 रुपये की धनराशि देने की घोषणा की व गणेश शर्मा ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए 5 लैपटॉप देने का वादा किया।
भाजपा महिला मोर्चा द्वारा बुधवार को उप मंडल मुख्यालय संगड़ाह मे आयोजित नारी शक्ति वंदन समारोह के समापन में पश्चिमी बंगाल के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस नेता द्वारा महिलाओं के साथ किए गए उत्पीड़न की कड़ी निंदा की गई। भाजपा जिला सिरमौर इकाई के विनय गुप्ता व सिरमौर जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल आदि वक्ताओं ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिला उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद भी महिलाएं सुरक्षित नहीं है। इस अवसर पर महिला मोर्चा रेणुकाजी मंडल इकाई की पदाधिकारियों के अलावा पंचायत समिति नाहन की अध्यक्ष अनिता शर्मा व भाजपा नेता नारायण सिंह, प्रताप तोमर, रणवीर ठाकुर, शकुंतला चौहान व मेलाराम शर्मा आदि भी मौजूद रहे। इस दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेशखाली में संबोधन का प्रसारण भी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा।
खुंडियां कॉलेज में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अक्षत को इकाई अध्यक्ष और ईशा को इकाई मंत्री बनाया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला संगठन मंत्री रोहित धीमान ने विद्यार्थी परिषद के इतिहास विकास के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी परिषद 9 जुलाई, 1949 से कार्य कर रही है। विद्यार्थी परिषद छात्राओं की समस्या को प्रशासन तक पहुंचाने का काम करती है और उसको हल करने का काम विद्यार्थी परिषद करती है। रोहित धीमान ने बताया कि विद्यार्थी परिषद के कई आयाम स्थापित हुए हैं और विद्यार्थी परिषद उन आयामों के माध्यम से भी महाविद्यालय में अपना कार्य कर रही है।
शैक्षिक उत्कृष्टता और नेतृत्व की एक उल्लेखनीय स्वीकृति में शूलिनी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अतुल खोसला को भारत सरकार द्वारा भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) सोसायटी के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय द्वारा एक अधिसूचना में नामांकन की आधिकारिक घोषणा की गई। भारत के दो प्रमुख संस्थानों, आईआईटी कानपुर और जेबीआईएमएस, मुंबई के पूर्व छात्र के रूप में, प्रोफेसर अतुल खोसला की शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्रा तकनीकी दक्षता और प्रबंधन कौशल का मिश्रण है। प्रोफेसर खोसला का नामांकन विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागों के प्रतिनिधियों की श्रेणी में आता है। वह बेंगलुरु नॉर्थ यूनिवर्सिटी, सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी और बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के अन्य प्रतिनिधियों के साथ शामिल हुए हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रोफेसर पीके खोसला ने शिक्षा क्षेत्र में प्रोफेसर अतुल खोसला के योगदान को मान्यता देने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय को धन्यवाद दिया। प्रोफेसर पीके खोसला ने आगे कहा कि यह सम्मान न केवल प्रोफेसर अतुल खोसला की उपलब्धियों का जश्न मनाता है, बल्कि उन्हें आईआईएमसी के साथ अपनी वैश्विक अंतर्दृष्टि और विशेषज्ञता साझा करने के लिए एक मूल्यवान मंच भी प्रदान करता है, जो मीडिया और संचार शिक्षा में संस्थान की विरासत को और समृद्ध करता है। 17 अगस्त, 1965 को दिल्ली में स्थापित भारतीय जनसंचार संस्थान, पूरे भारत में पांच क्षेत्रीय केंद्रों तक फैल गया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त समाज के रूप में कार्य करते हुए, आईआईएमसी मीडिया शिक्षा के एक प्रकाशस्तंभ के रूप में खड़ा है, जो संचार पेशेवरों की अगली पीढ़ी को आकार दे रहा है। प्रोफेसर अतुल खोसला, कुलपति के रूप में अपने प्रशासनिक कौशल से परे, शैक्षिक नवाचार और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग में एक प्रेरणादायक व्यक्ति रहे हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय में उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने संस्थान को वैश्विक मान्यता और पाठ्यक्रम में अत्याधुनिक अनुसंधान और टिकाऊ प्रथाओं को एकीकृत करने ओर अग्रसर किया है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आज बाल विकास परियोजना पंचरुखी के अंतर्गत होटल पीक बांउड में महिला दिवस मनाया गया, जिसमें लगभग 120 महिलाओं ने हिस्सा लिया। उपस्थित महिलाओं द्वारा लघु नाटक, गाने व नृत्य का प्रदर्शन किया गया, जिसमें महिलाओं को सशक्त करने हेतु प्रेरित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत लदोह की प्रधान अनीता कुमारी व वार्ड पंच अनिका शर्मा उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पंचरुखी की सभी महिला पर्यवेक्षक व कार्यालय कर्मचारियों ने भी भाग लिया।
भारतीय जनता महिला मोर्चा जयसिंहपुर द्वारा बुधवार को आलमपुर में नारी शक्ति वंदन पर मोर्चा अध्यक्ष मनीषा शर्मा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिषद एवं कार्यसमिति सदस्य पुरुषोत्तम गुलेरिया ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की व विशिष्ट अतिथि के रूप में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान उपस्थित रहे। महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण पर ही केंद्रीय राजनीति केद्रिंत है। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा देश व प्रदेश के हर कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित किया है। यही कारण है कि आज केंद्र की भाजपा सरकार ने महिलाओं के हित के लिए अनेक योजनाएं चलाई हंै। केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए अलग से प्रावधान किए हैं। आज देश के विकास में भी सबसे ज्यादा भागीदारी महिलाओं की है। इस मौके पर उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के हित में चलाई गई योजनाओं को घर-घर पहुंचाने व एकजुट होकर के भाजपा के पक्ष में मतदान करवाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में केंद्र की भाजपा सरकार मोदी के नेतृत्व में 400 का आंकड़ा पार करेगी और फिर से केंद्र में जीत की पताका लहराएगी। कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। इस मौके पर जयसिंहपुर के पूर्व मण्ड़लआध्यक्ष राम रतन शर्मा, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता रत्न चंद जयसिंहपुर युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच के अतिरिक्त विंता कटोच, सरस्वती जरयाल, शकुंतला देवी, कुसुम लता, प्रोमिला देवी, सुनीता धीमान, सुमन मेहरा, राजेशना देवी, रीना डोगरा, मीरा राणा, लीना भारद्वाज, सुकन्या सहित सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने विधानसभा क्षेत्र अर्की के अंतर्गत आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। इस कार्यक्रम में भाजपा के प्रत्याशी गोविंद राम शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भजपा महिला मंडल अध्यक्ष रीना भारद्वाज ने की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष राकेश ठाकुर, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव प्रतिभा कंवर, महामंत्री भावना गुप्ता, रमेश ठाकुर, दयानंद शर्मा, आशा परिहार, हीरा कौशल, भुवनेश्वरी शर्मा, रमेश, हीरा कौशल और अनेकों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कर्ण नंदा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रतिमाह 1500 रुपये देने का झूठ एक और बार बोल दिया है। पहले झूठी गरंटिया देते हुए वह सत्ता में आए और अब झूठ बोलकर महिलाओं को गुमराह करना चाहते हैं। नंदा ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा में हमारी सरकार ने 33 फीसदी सीटों को आरक्षित करने का काम किया है। यह काम 30-40 सालों से लटका हुआ था, लेकिन हमारी सरकार ने महिलाओं की बेहतरी के लिए यह काम किया है। अगर हिमाचल प्रदेश में किसी ने प्रदेश में महिला आरक्षण लगाया तो वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल थे आज हमें जान कर खुशी है कि हिमाचल में 3,615 में से 1,825 पंचायतों में महिलाएं प्रधान हैं। 45 अनारक्षित सीटों पर भी महिलाओं का कब्जा है। जिला सोलन में भी 240 सीटों में से 124 महिला प्रधान हैं, जो कि 50 फीसदी से अधिक है। महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए नंदा ने कहा कि पीएम मोदी ने गरीबों को सहायता देने, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को इसका लाभ देने के लिए आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। उन्होंने रूफ टॉप सोलर अभियान का उल्लेख किया, जहां 1 करोड़ परिवार मुफ्त बिजली का लाभ उठाएंगे, साथ ही सरकार को अतिरिक्त बिजली बेचकर प्रति वर्ष 15,000 रुपये से 18,000 रुपये की आय भी अर्जित करेंगे। प्रधानमंत्री ने आज घोषित आयकर छूट योजना का उल्लेख किया जिससे मध्यम वर्ग के लगभग 1 करोड़ नागरिकों को राहत मिलेगी। आज लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं। इन समूहों को 8 लाख करोड़ रुपए बैंक लोन और 40 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
मार्च से धर्मशाला के मैदान में भारत और इंग्लैंड की टीमें सीरीज के आखिरी टेस्ट मुकाबले में आमने-सामने होंगी। मुकाबले से एक दिन पहले इंग्लैंड टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने प्रेस वार्ता में कहा कि इंग्लैंड टीम मैच के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। स्टोक्स ने कहा कि यह सीरीज हमारे मुताबिक नहीं रही है। हालांकि टीम के प्रत्येक खिलाड़ी ने खेल के दौरान अच्छा खेल खेला है और टीम हमेशा ही बेहतर खेलने का प्रयास करती है। हम भले ही इस सीरीज में मैच हार गए हों, लेकिन हम अपनी बेहतर प्रतिभा के साथ खेलते हैं और आगे बढ़ते हैं। वहीं इंग्लैंड के अनुभवी गेंदबाज जेम्स एंडरसन को लेकर स्टोक्स ने कहा कि उनका करियर अद्भुत रहा है और वह उम्र के इस पड़ाव में भी बहुत फिट हैं। इस सीरीज के दौरान भी उनका खेल और उनकी फिटनेस बेहतरीन रही है। वहीं उन्होंने कहा कि हम अपनी टीम के साथ अंतिम मैच में भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे और हमारा प्रयास है कि भारतीय टीम के साथ हम बेहतरीन तालमेल बिठा सकें और मैच में बेहतरीन प्रदर्शन कर सके।
** जगत सिंह नेगी बोले, जल्द जारी होगी एसओपी, बागवानों को होगा फायदा ** कार्टन में 20 और 12 किलो सेब की पैकिंग की जाएगी हिमाचल में अब यूनिवर्सल कार्टन में सेब बिकेगा। सरकार ने इस सीजन से ही यूनिवर्सल कार्टन से सेब खरीद का एलान कर दिया है। बागवानी मंत्री जगत नेगी ने सचिवालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार ने बीते सीजन में वजन के हिसाब से सेब बेचने की व्यवस्था की गई थी और अब यूनिवर्सल कार्टन को नीतिगत तरीके से लागू किया जा रहा है, जिससे बागवानों को फायदा होगा। इसको लेकर एसओपी जल्द जारी की जाएगी। कार्टन में 20 किलो और 12 किलो सेब की पैकिंग की जाएगी। अब टेलीस्कोपी कार्टन पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। नेगी ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के समय बागवानों को सेब का उचित मूल्य दिलाने का वादा किया था। बागवान लंबे समय से यूनिवर्सल कार्टन की मांग कर रहे थे। सरकार द्वारा गहन मंथन करने के बाद यूनिवर्सल कार्टन में सेब बिक्री का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में भी यूनिवर्सल कार्टन को लागू करने की बात कही थी।
** बोले, धन का प्रयोग कर सत्ता हथियाने के लिए नित नये षड्यंत्र रच रहा विपक्ष ** मुख्यमंत्री ने हमीरपुर के पक्का भरो में किए करोड़ों रुपये के उद्घाटन और शिलान्यास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज हमीरपुर में करोड़ों रुपये के उद्घाटन और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने हमीरपुर पक्का भरो बाईपास चौक के पास बस स्टैंड का शिलान्यास किया। यहीं पर ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग और पशुपालन विभाग की आवासीय कॉलोनियों की आधारशिला रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता आती है और जाती है, लेकिन लोकतांत्रिक मूल्य जिंदा रहने चाहिए। जनता ने सरकार को पांच साल के लिए चुना होता है, इसलिए सरकार को पांच साल लोगों की सेवा करने का समय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष धन का प्रयोग कर नित नये षड्यंत्र रच कर सत्ता हथियाना चाहता है, लेकिन हमें सत्ता का मोह नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बार-बार गारंटियों को पूरा करने की बात करता है, सरकार गारंटियों को भी पूरा कर रही है साथ ही 14 महीने में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है, जिससे प्रदेश का राजस्व बढ़ा है। उन्होंने कहा कि खनन माफिया के खिलाफ सरकार ने अभियान छेड़ा है, जिसके चलते खनन माफिया सरकार के खिलाफ धन का प्रयोग कर सरकार को गिराना चाहता है। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक तंगी आने के बावजूद सरकार ने हमीरपुर जिला के विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं आने दी। उन्होंने कहा कि 15 साल पहले पूर्व सीएम धूमल ने यहां बस अड्डे की नींव रखी थी, लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद भी उनके सपने को पूरा नहीं किया गया। अब कांग्रेस सरकार ने यहां बस अड्डा बनाने का जिम्मा लिया है। यह बस स्टैंड 55 करोड़ से दो सालों में बनकर तैयार हो जाएगा।
** टीम इंडिया के कप्तान बोले, धर्मशाला मेरे घर जैसे, लग रहा कि घर आ गया हूं धर्मशाला के खूबसूरत मैदान में 7 मार्च से भारत और इंग्लैंड की टीमें टेस्ट सीरीज के आखिरी मुकालबे के लिए आमने-सामने होंगी। मैच से पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने प्रेसवार्ता की। धर्मशाला मैदान को लेकर रोहित शर्मा ने कहा कि मैने यहां कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है। धर्मशाला का मौसम भी बिलकुल अलग है। यहां सुबह के समय ज्यादा ठंड होती है। यहां पिच कैसा बर्ताब करती है, यह देखना होगा, क्योंकि 5 दिन तक खेल चलता है। पिच को देख कर अच्छा लग रहा है मैच की शुरुआत में गेंद हरकत कर सकता है। हम ऐसे मौसम में इंग्लैंड में खेल चुके हैं। ऐसे में हम पर कोई प्रेशर नहीं है, प्रेशर होगा तब मैदान के बाहर पहाड़ों पर गिरी बर्फ को देखकर कम कर लेंगे। रोहित ने कहा, 'धर्मशाला में आकर ऐसा लगता है कि मैं अपने घर आ गया हूं, यहां का खाना घर के जैसा होता है और यहां के लोगों की सादगी पसंद है। वहीं, आर. आश्विन अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे हैं, इस पर रोहित ने कहा कि यह बड़ी उपलब्धि है कि वो अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे हंै। उनकी तारीफ जितनी करोगे उतनी कम है। रोहित ने कहा कि इस सीरीज में हमने बहुत अच्छे कम बैक किये हैं, लेकिन अंत में जीत ही अहम होती है।
पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन के प्रधान धनीराम तनवर एवं समस्त कार्यकारिणी सदस्य दिप राम ठाकुर, नागेंद्र ठाकुर, रती राम शर्मा, ओम प्रकाश, पतराम पंवर, नेकी राम, वेद ठाकुर, पुष्पा सूद, बीना चौहान, धर्म सिंह ठाकुर, श्यामलाल ठाकुर, सतपाल शर्मा निर्मल ठाकुर देवराज ठाकुर, आशा राणा, संत राम चंदेल, जीत सिंह, जसवीर सिंह इत्यादि ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि पेंशनर के साथ उनके वित्तीय लाभ जो काफी समय से सरकार के पास पेंडिग पड़े हैं, उसका जो फार्मूला बनाया गया है, वह पेंशनर के साथ मजाक है। पुलिस पेंशनर के साथ यह बड़ा मजाक सरकार द्वारा किया जा रहा है। पुलिस पेंशनर सरकार से मांग करती है कि जो भी वित्तीय लाभ पेंशनर के सरकार के पास काफी सालों से पेंडिंग पड़े हैं, उनका जल्दी से भुगतान किया जाए। जैसे कि पहले दिए जाने की घोषणा की गई थी व बड़े हुए वेतन की राशि एक मुश्त दी जाए। क्या सरकार पेंशनर को मरने के बाद देगी बकाया राशि ? ऐसा फार्मूला आज तक किसी भी सरकार ने नहीं किया जो वर्तमान में हो रहा है। वित्तीय विभाग के अधिकारी, कर्मचारी ऐसे मामले को निपटाने में असमर्थ है। इस फार्मूले के अनुसार तो जो पुलिस पेंशनर 80 वर्ष की आयु में है क्या वह 35 साल तक जीवित रहेंगे। सरकार को शर्म आनी चाहिए की वह पेंशनर के साथ ऐसा मजाक कर रही है जिन्होंने 38 से 40 साल अपनी सवाएं प्रदेश सरकार को दी है। यह सम्मान पुलिस पुलिस पेंशनर के साथ दिया जा रहा है, जिसकी संगठन निंदा करती है।
शूलिनी विश्वविद्यालय में कानूनी विज्ञान संकाय ने नए आपराधिक कानूनों पर संवेदनशीलता पर पांच दिवसीय संकाय विकास कार्यक्रम (एफडीपी) और कार्यशाला का आयोजन किया। प्रतिभागियों को यूआईएलएस, पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. अजय रंगा जैसे कानूनी प्रणाली के दिग्गजों से अंतर्दृष्टि प्राप्त करने का मौका मिला। उनके सत्र ने भारत के आपराधिक कानूनों के ऐतिहासिक आधारों और वर्तमान युग में उनके महत्व पर गहरी जानकारी दी। सुप्रीम कोर्ट में वरिष्ठ वकील और भारत के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, एडवोकेट पिंकी आनंद ने आपराधिक कानून के विकसित प्रतिमानों और कानूनी प्रथाओं पर इसके प्रभाव पर अपनी विशेषज्ञता से दर्शकों को समृद्ध किया। पूर्व पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल ने कानून प्रवर्तन के दृष्टिकोण से चुनौतियों और दृष्टिकोणों को स्पष्ट करने के साथ-साथ नए आपराधिक कानूनों का व्यापक अवलोकन दिया। इंस्टीट्यूट ऑफ करेक्शनल एडमिनिस्ट्रेशन, चंडीगढ़ की उप निदेशक और प्रमुख डॉ. उपनीत लाली ने नए कानूनों के व्यावहारिक कार्यान्वयन पर अपने बहुमूल्य दृष्टिकोण साझा किए। एनएफएसयू गांधीनगर में पुलिस विज्ञान और सुरक्षा अध्ययन स्कूल के प्रोफेसर अक्षत मेहता द्वारा एफडीपी को एक यादगार समापन तक लाया गया, जिन्होंने आपराधिक कानून में हाल के बदलावों के संदर्भ में कानून के शासन और शासन के महत्वपूर्ण महत्व को रेखांकित किया। कानूनी विज्ञान संकाय के एसोसिएट डीन डॉ. नंदन शर्मा ने एफडीपी का समन्वय किया, और उपस्थित लोगों और संकाय दोनों का धन्यवाद किया, प्रमाण पत्र वितरण के साथ वर्कशॉप संपन्न हुई।
हिमाचल की सुक्खू सरकार ने एरियर भुगतान से संबंधित दो अधिसूचनाओं को दूसरे दिन ही वापस ले लिया है। इसका कारण कर्मचारियों, पेंशनरों और कर्मचारी संघों का भारी विरोध है। बता दें कि हिमाचल सरकार ने सोमवार को प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों को छठे वेतन आयोग का एरियर देने के आदेश जारी किए थे। नए वित्त वर्ष में कुल एरियर का साढ़े चार फीसदी भुगतान किया जाना था। यह एक जनवरी 2016 से दिया जाना है। इसमें डेढ़ प्रतिशत की अदायगी मार्च में की जानी थी। इसके बाद हर माह 0.25 प्रतिशत से अधिक एरियर की अदायगी नहीं की जानी थी। एरियर वेतन और पेंशन के साथ दिया जाना था। महंगाई भत्ते के एरियर का भुगतान भी डेढ़ प्रतिशत प्रति माह कर दर से किया जाना था। लेकिन, अधिसूचना जारी होने के दूसरे ही दिन मंगलवार को राज्य सचिवालय कर्मचारी महासंघ समेत कई संगठनों ने एरियर के तरीके पर एतराज जताया। महासंघ के प्रधान संजीव शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वेतन पुनरीक्षण एवं महंगाई भत्ते की बकाया राशि की अदायगी के निर्धारित मापदंडों पर महासंघ ने रोष जताया। संजीव शर्मा ने कहा कि इस अधिसूचना के अनुसार वेतन एरियर की अदायगी के लिए लगभग 33 वर्ष और महंगाई भत्ते की अदायगी के लिए लगभग 5 वर्ष का समय लगना था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने अधिकारियों को विवादित अधिसूचना वापस लेने के आदेश दिए हैं।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राज्य की पर्वतीय पारिस्थितिकी तंत्र प्रक्रिया एवं सतत आजीविका के विषय पर गहन विचार करने पर बल देते हुए कहा कि भौगोलिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए पर्वतीय पारिस्थितिकी पर अनुसंधान कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। राज्यपाल ने आज कुल्लू स्थित गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान द्वारा 'माउंटेन ईको सिस्टम प्रोसेसिज एंड लाइवलीहुडÓ विषय पर आयोजित तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इससे पहले उन्होंने संस्थान के गेस्ट हाउस और ऑडिटोरियम का भी उद्घाटन किया। हिमालय क्षेत्र में पर्यावरण अध्ययन के रूप में संस्थान के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्थान वैज्ञानिक अनुसंधान को आगे बढ़ाने, एकीकृत प्रबंधन रणनीतियों को विकसित करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए अग्रणी संस्थान के रूप में उल्लेखनीय प्रयास कर रहा है। पिछले वर्ष राज्य में आई प्राकृतिक आपदा पर शोध की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में विकासात्मक गतिविधियों के लिए अनुसंधान आधारित रणनीति बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने नदी किनारे निर्माण कार्यों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पर्वतीय पारिस्थितिकी तंत्र प्रक्रियाओं और सतत आजीविका के विषयों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाना चाहिए।
** कहा, हिमाचल में 15 हजार करोड़ से 32 टनलों का किया जा रहा निर्माण हमीरपुर के पुलिस लाइन दोसड़का ग्राउंड में आज केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 4 हजार करोड़ के शिलान्यस किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 15 हजार करोड़ से कुल 45 किमी लंबी 32 टनलों का निर्माण किया जा रहा है। मनाली से लेह लदाख के लिए टनल बनाने के लिए बीस हजार करोड़ की लागत से सात सुरंगें बनाई जा रही हैं। इससे पहले केंंद्रीय मंत्री गडकरी का कार्यक्रम में पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शॉल, टोपी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह, विधायक सतपाल सत्ती, वीरेेंद्र कंवर, भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा भी मौजूद रहे। गडकरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में रोपवे बनाने के लिए तेजी लाई गई है और रोपवे बनने से प्रदेश को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि दियोटसिद्ध से बरेछेटू से कैलूसिद्व मंदिर के लिए रोपवे बनाया जाएगा तो कुल्लू से घटासनी और लाहौल स्पिति से केलांग तक रोपवे बनाया जाएगा। इस दौरान गडकरी ने शिमला-बिलासपुर-कांगड़ा सड़क को प्राथमिक सर्वे के बाद फोरलेन बनाने की घोषणा भी की। केंद्रीय मंत्री ने शिमला से कांगड़ा तक इसे फोरलेन बनाने का एलान किया तो हमीरपुर में बाईपास को फोरलेन बनाने की घोषणा की। उन्होंने दावा किया कि साल 2024 जब समाप्त होगा, तब तक हिमाचल में एक लाख करोड़ रुपए के काम पूरे हो चुके होंगे या कुछ काम शुरू होंगे तथा कुछ चल रहे होंगे। भाजपा सरकार में असंभव भी हो रहा संभव : अनुराग ठाकुर कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो असंभव था, भाजपा सरकार में वह भी संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले दस सालों में ढाई से तीन गुना सडकें बनाई गई है जोकि रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि पूर्व पीएम अटल की सरकार में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क की शुरुआत की थी, जिसे साकार करने के लिए आगे बढ़ाया है। भारत को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए तेजी से काम किया है और आगे भी इन कामों को इसी तरह से आगे बढ़ाते रहना होगा। दलगत राजनीति से उठकर हिमाचल को आगे ले जाने के लिए करूंगा काम : विक्रमादित्य सिंह इस अवसर पर प्रदेश पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री गडकरी द्वारा हिमाचल प्रदेश की मदद के लिए उनका आभार जताया और कहा कि वे दलगत राजनीति से उठकर हिमाचल प्रदेश को आगे ले जाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास के राह पर चलकर प्रदेश का हित करना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी मुलाकात के दौरान प्रदेश के लिए रुके हुए कार्यों को पूरा करने का आश्वासन दिया गया है और उम्मीद है जल्द ही इन कार्यों को पूरा किया जाएगा।
** नेरवा में बहुमंजिला बस अड्डा व दुग्ध शीतन केंद्र और नेरवा व कुपवी में मिनी सचिवालय खोलने की घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिला के चौपाल के नेरवा में 73.43 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने 5.10 करोड़ रुपये की लागत से कनाहल से बजाथल, 5.14 करोड़ रुपये की लागत से सैंज से डाक सराड़, 6.83 करोड़ रुपये की लागत से तराहं से बनाह, 6.89 करोड़ रुपये की लागत से पबास से मशरौंह, 4.01 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ननहार से मलकौत मार्ग वाया कुफ्टू कलून हरिजन बस्ती सड़क तथा नानू कुठाड़ बासाधार गियान कोट मार्ग पर 2.95 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने न्योटी छावनी बावी मार्ग पर न्योटी में शालू खड्ड पर 4.36 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 60 मीटर लम्बे प्रीस्ट्रैस्ड डबल लेन पुल का शिलान्यास किया। उन्होंने 30.46 करोड़ रुपये की लागत से खिड़की से चौपाल मार्ग को चौड़ा करने एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की आधारशिला भी रखी। उन्होंने 7.68 करोड़ रुपये की लागत से देहा कठोरी पुंडर घलाना मार्ग के स्तरोन्नयन कार्य का शिलान्यास भी किया। उन्होंने नेरवा में बहुमंजिला बस अड्डा निर्मित करने, दुग्ध शीतन केंद्र स्थापित करने, नेरवा में मिनी सचिवालय स्थापित करने, अग्निश्मन केंद्र खोलने तथा राजकीय महाविद्यालय नेरवा में दो विषयों में पीजी कक्षाएं आरंभ करने की घोषणाएं की। उन्होंने नेरवा में इंडोर खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि कुपवी में लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के दृष्टिगत मिनी सचिवालय खोला जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के धारचांदना, देईया, नेवटी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने चौपल व नेरवा स्थिति नागरिक अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड सुविधा शीघ्र उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया। इससे पूर्व चौपाल उपमंडल के नेरवा पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। पारंपरिक ठोडा नृत्य के साथ सुखविंदर सिंह सुक्खू का हजारों की संख्या में उपस्थित जनता ने पहाड़ी परंपरा के साथ स्वागत किया। चौपाल विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार रहे रजनीश खिमटा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जो कहते हैं वह करके दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि गत वर्ष प्राकृतिक आपदा के समय जिस संवेदनशीलता और जन-जन की सहायता के जज्बे के साथ मुख्यमंत्री ने दिन रात कार्य किया उसे विश्व बैंक ने भी सराहा। उन्होंने चौपाल विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
करसोग में मंगलवार को ग्राम पंचायत ममेल के ग्रामीणों ने एसडीएम नरेंद्र सिंह ठाकुर को नलवाड़ मेला करस़ोग के संचालन हेतु ज्ञापन सौंपा है। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने द्वारा बड़ी संख्या में एकत्रित होकर इस ज्ञापन में नलवाड़ मेला करस़ोग-2024 को संचालित व प्रारंभ कराने की मांग की गई। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि यहां के ग्रामीण मेलों में झूले व दुकानें लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। करसोग स्कूल के मैदान में पिछले 100 वर्षों से यह प्राचीन मेला नियमित तौर पर चला हुआ है। यह मेला आजकल जिला स्तरीय है। इस मेले का मुख्य आकर्षण करस़ोग के आराध्य देवताममलेश्वर महादेव की रथ यात्रा व दूर-दराज क्षेत्र के देवताओं की रथ यात्रा है। इस मेले से रोजगार का अवसर प्रदान होता है और यह मेला संस्कृति का घोतक है। पिछले वर्ष भी यह मेला इस जरोडदढ मैदान में संचालित हुआ था, जिसकी परमिशन उच्च न्यायालय द्वारा मिली थी, पिछले वर्ष भी यहां पर करोड़ों रुपए का व्यापार हुआ था। स्थानीय निवासी पीयूष शर्मा, प्रेम लाल, धनश्याम समेत अन्य लोगों ने बताया कि अगर यह मेला इस बार यहां नहीं लगता है तो यहां के युवा वर्ग, बेरोजगारों, व्यापारियों को बहुत नुकसान हो जायेगा क्योंकि यहां की जनता का यह मेला आजीविका का मुख्य स्त्रोत है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मेले को संचालित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
जिला मंडी में एसपी का कार्यभार संभालने के बाद साक्षी मलिक पहली बार करसोग पहुंची। यहां एसपी ने आने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। इस उन्होंने लोकसभा चुनाव में ईवीएम रखने के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। अगले कुछ दिनों में कभी भी लोकसभा चुनाव को घोषणा हो सकती है। ऐसे में चुनाव को स्फल्तापूर्व संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। इसी कड़ी में एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने इलेक्शन को लेकर पुलिस की ओर से की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर करसोग में कानून व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया। साइबर क्राइम एक बड़ा चैलेंज डिजिटलीकरण क्षेत्र क्रांति आने के साथ ही साइबर हमलों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में साइबर अपराध में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इस पर मीडिया से बात करते हुए एसपी साक्षी वर्मा ने कहा आज के दौर में साइबर क्राइम एक बहुत बड़ी चुनौती है। जिससे निपटने के लिए लोगों की सावधानी ही एक बड़ा बचाव है। ऐसे में साइबर क्राइम से बचाव को जागरूकता बेहद जरूरी है। जिसके लिए जिले भर में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हैकर्स डाटा को प्राप्त कर लिंक के माध्यम से लोक लुभावनी लाटरी, गिफ्ट, आनलाइन छूट का लालच देकर धोखाधड़ी कर फ्राड कर रहे हैं। जो जानी मानी कंपनियों की सोशल एकाउंट से मिलती जुलती एकाउंट बनाते है और लोग जल्दबाजी में उस पर ध्यान न देते हुए आई हुई लिंक पर क्लिक कर देते है। जिससे वे साइबर ठगी, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के शिकार हो जाते है। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच इस तरह की जागरूकता फैला कर साइबर क्राइम की चुनौती से पार पाया जा सकता है। नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश एसपी साक्षी वर्मा ने समाज में फैली नशे जैसी बुराई को खत्म करने के लिए पुलिस को अभियान तेज करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस के साथ आम जनता का भी सहयोग जरूरी है। इसके साथ पुलिस स्टाफ की भी काफी आवश्यकता रहती है। भौगोलिक दृष्टि से करसोग एक बहुत बड़ा और दुर्गम क्षेत्र है, ऐसे में यहां पुलिस कर्मचारियों को खाली पदों को जल्द भरने का प्रयास रहेगा। उन्होंने कहा की आम आदमी की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस की जिम्मेवारी है। ऐसे में पुलिस को लोगों की शिकायतों पर तुरंत प्रभाव से उचित कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त अवैध खनन को रोकने के लिए भी पुलिस को सर्तक रहने को कहा गया है।
** दूल्हा-दुल्हन ने बर्फ से ढके सोलंगनाला के एक निजी होटल में रचाई शादी ** स्पीति के बाद यह दूसरी अनूठी शादी, प्रचलन से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत पर्यटन स्थल मनाली में हुई बर्फबारी सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। एक ओर जहां सैलानी बर्फ का दीदार कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर यह पर्यटन स्थल शादियों के लिए मशहूर हो रहा है। लोग अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए अब मनाली का रुख कर रहे हैं और शून्य से भी कम तापमान में बर्फ के बीच धूमधाम से शादी मना रहे हंै। स्पीति में हुई एक शादी के बाद अब मनाली में बर्फीली वादियों में दिल्ली के अखिल व सुंदरनगर की आस्था ने सात फेरे लेकर इस प्रचलन को आगे बढ़ाया है। यह शादी दो दिन पहले हुई है। दूल्हा-दुल्हन ने बर्फ से ढके सोलंगनाला के एक निजी होटल में शादी रचाई है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना की घोषणा कर प्रदेश की महिलाओं के साथ किया वादा निभाया है। कांग्रेस की पांचवीं गारंटी को पूरा करने के लिये युवा कांग्रेस सरकार का हार्दिक धन्यवाद करती है। 18 साल से ऊपर की पात्र माताओं-बहनों को वित्तीय वर्ष 2024-25 से 1500 रुपये प्रति माह देने के एलान से प्रदेश भर की महिलाओं में ख़ुशी की लहर है। यह बात युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही। उन्होंने कहा कि हमारे प्रदेश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने में महिला शक्ति का प्रबल योगदान रहा है। प्रदेश की महिलाओं से 1500 रुपये हर महीने की गारंटी को पूरा कर सरकार ने महिलाओं के प्रति सम्मान के साथ ही प्रदेश के हित के लिए सरकार की कार्यनिष्ठा को भी साबित किया है। भंडारी ने कहा कि पहले वित्तीय वर्ष में ही पांच गारंटियों को पूरा करना मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की हिमाचलवासियों की सेवा में समर्पित वचनवद्धता का सबूत है। युवा कांग्रेस हर परिस्थिति में प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के साथ खड़ी है।
सुधीर शर्मा ने एक बार फिर से सरकार पर तीखा हमला बोला है। सुधीर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का वाटर सेस को असंवैधानिक ठहराने वाला फैसला एक महत्वपूर्ण और प्रभावशाली कदम है। इस फैसले ने न केवल वाटर सेस के खिलाफ विवादों को समाप्त किया है, बल्कि यह स्थानीय विद्युत परियोजनाओं के हित में भी एक महत्वपूर्ण निर्णय है। सुधीर ने कहा कि वाटर सेस कमीशन को भी निरस्त किया गया है, जो कि सरकारी खज़ाने पर अतिरिक्त बोझ था। इससे पता चलता है कि परिपक्तवा की कमी में लिया गया यह निर्णय मुंह के बल गिरा है। सुधीर ने कहा, 'मैं सरकार के विरोधी पक्ष के वकील अभिषेक मनु सिंघवी को इस फ़ैसले पर बधाई देता हूं और सरकार के ऊपर जो 32 करोड़ की लाइबिलिटी लगी है जिसे तुरंत जमा करवाने के आदेश हुए हैं उसके लिये सरकार को प्रबंध करने की ईश्वर शक्ति दे ऐसी कामना करता हूं।' इस फैसले के माध्यम से उच्च न्यायालय ने न केवल वाटर सेस को असंवैधानिक ठहराया है, बल्कि सामाजिक न्याय और लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभों को मजबूत करने में भी मदद की है।
** राहुल राणा बोले, टीएमसी नेताओं ने राज्य सरकार के संरक्षण में महिलाओं का जीना किया दुश्वार ** उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित कर उठाई न्याय की मांग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने पश्चिम बंगाल के उत्तर चौबीस परगना जिले के संदेशखाली में तृणमूल कांग्रेस नेताओं द्वारा महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार, जमीन कब्जाने तथा अपराध से भयमुक्त वातावरण निर्माण कर स्थानीय हिंदू परिवारों को पलायन करने को मजबूर करने के विरुद्ध देश भर में प्रदर्शन किया। यह देशव्यापी प्रदर्शन देश के सभी राज्यों की राजधानियों तथा 500 से अधिक जिलों व महानगरों में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसी संदर्भ में आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला कांगड़ा द्वारा उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला के बाहर महिला विरोधी ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और धरना प्रदर्शन किया गया। अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री राहुल राणा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी लगातार जनविरोधी नीतियों को बढ़ावा दे रही हैं। संदेशखाली में जिन पीड़िताओं के साथ ज्यादती हुई, उनमें से अधिकांशत: पिछड़े वर्ग तथा अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाएं हैं। पश्चिम बंगाल में हो रहे अपराधों का विरोध देश के प्रत्येक कोने में विद्यार्थी परिषद करेगी। महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद पश्चिम बंगाल की महिलाएं सुरक्षित नहीं : शिल्पा कुमारी वहीं, अभाविप की केंद्रीय कार्य समिति सदस्य शिल्पा कुमारी ने कहा कि संदेशखाली में महिलाओं के साथ अत्याचारों का घटनाक्रम जब सामने आया तभी से विद्यार्थी परिषद न्याय की मांग को लेकर पूरे देश के शैक्षणिक संस्थानों में प्रदर्शन कर रही है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद पश्चिम बंगाल की महिलाओं की सुरक्षा तथा सम्मानपूर्ण जीवन सरकार की प्राथमिकता में नहीं है। परिषद ने आज उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से राष्ट्रपति को भीज्ञापन सौंपा है। अगर इस मामले को लेकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई अपराधियों पर नहीं की गई तो आने वाले समय में विद्यार्थी परिषद को हजारों लाखों की संख्या में महिलाओं की आवाज को बुलंद करने के लिए पश्चिम बंगाल के संदेशखाली के लिए कूच भी करना पड़े तो उस को लेकर भी विद्यार्थी परिषद गुरेज नहीं करेगी।
** बोले, भगवान शंकर का श्रवण-कीर्तन और मनन करना मुक्ति के हैं मार्ग ** 7 मार्च को संपन्न होगी महाशिव पुराण कथा, 8 को मनाई जाएगी महाशिवरात्रि शिव तांडव गुफा में आयोजित हो रही महाशिव पुराण कथा के अंतर्गत आज 9वें दिन कथावाचक आचार्य हेमंत भारती ने भक्तजनों को बताया कि मानव को महेश्वर का श्रवण-कीर्तन और मनन सदैव करते रहना चाहिए। भगवान शंकर का श्रवण-कीर्तन और मनन ये तीनों साधन वेद सम्मत हैं और मुक्ति के मार्ग हैं। उन्होंने बताया कि शिवलिंग भगवान शिव के निराकार स्वरूप का प्रतीक है और मूर्ति साकार रूप का। इस संसार में सिर्फ महादेव को ही मूर्ति एवं लिंग दोनों के रूप में पूजा जाता है। वहीं, कथा के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए शिव तांडव गुफा विकास समिति के प्रधान राम रतन तंवर ने बताया कि इस कथा को 7 मार्च को यज्ञ में पूर्ण आहुति के साथ विराम दिया जाएगा और 8 मार्च को महाशिवरात्रि का पर्व बहुत ही हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया जाएगा। 9 मार्च को सभी भक्तजनों के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर शंभू परिवार के सदस्यों के के साथ साथ अमरीश ठाकुर, मन्नू भारद्वाज, गुमान सिंह कंवर, हरि सिंह पाल, लायक राम शर्मा, कुनिहार एवं उसके आसपास की सैकड़ों भक्तजन प्रतिदिन इस कथा में सम्मिलित होकर के इस कथा का श्रवण एवं रसास्वादन कर रहे हैं।
- तीसरे वर्ष भी नशा मुक्त मेला आयोजित करने का फैसला - 17 मार्च से शुरू होगी प्लाट आवंटन प्रक्रिया शुरू - मेले के सफल आयोजन के लिए उप कमेटियां गठित -सांस्कृतिक संध्या व खेल प्रतियोगिताओं का भी होगा आयोजन - 27 से 30 मार्च तक होगा मेले का अयाोजन खनियारा का ऐतिहासिक छिंज मेला 27 मार्च से शुरू हो रहा है। 30 मार्च तक चलने वाले मेले के सफल आयोजन को लेकर बैठक मेला कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन ईश्वर ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। इसमें सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि दुकानों के लिए पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्लाट आवंटन किया जाएगा। वहीं, तीसरे वर्ष भी मेला नशा मुक्त घोषित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। मेले में दुकान उसी व्यक्ति व दुकानदार को मिलेगी, जो मेले के भीतर किसी भी तरह के नशे को न बेचेगा। यदि नशा बेचते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई के तौर पर तुरंत दुकान खाली करवाकर पुलिस के पास मामला दर्ज करवाया जाएगा। मेले के लिए दुकान आवंटन प्रक्रिया 17 मार्च से शुरू हो जाएगी। 27 मार्च को होगा खेलपात्र का आयोजन बीते वर्ष की मेला उप मकेटियों को यथावत रखा गया है। यह जानकारी मेला कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि 27 मार्च को इंद्रु नाग मंदिर में खेलपात्र का आयोजन होगा। 28 मार्च को इंद्रु नाग देवता की छड़ी मुख्य मंदिर से कटासनी माता मंदिर होते हुए छिंज मैदान पटोला पहुंचेगी। इसके साथ ही दंगल शुरू होगा। 29 मार्च को मुख्य दंगल व बड़ी माली होगी। महिला कुश्ती को भी प्रोत्साहन दिया जा रहा है। 29 मार्च को ही सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा। 30 मार्च को मेला व खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। आगामी बैठक में मुख्यातिथि चयन, माली राशि को तय करने सहित सांस्कृतिक संध्या को लेकर अंतिम रूप देने सहित बजट पर चर्चा होगी। ये उप कमेटियां गठित मेले के सफल आयोजन के लिए गठित उप कमेटियों में स्वागत कमेटी, पूजा उप कमेटी, छड़ी यात्रा उप कमेटी, मार्किंग उप कमेटी, बिजली उप कमेटी, पानी उप कमेटी, अखाड़ा उप कमेटी, सुरक्षा व यातायात कमेटी, सांस्कृतिक कार्यक्रम उप कमेटी, जलपालन व्यवस्था उप कमेटी, स्पोर्ट्स उप कमेटी, सफाई उप कमेटी, मतड़ा नाग मंदिर आयोजन उप कमेटी, ऑडिट उप कमेटी का गठन किया गया है। बैठक में ये लोग रहे मौजूद बैठक में प्रधान कैप्टन ईश्वर ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लव कुमार छेत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नीरज कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन शिवराज थापा, सहायक कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, उपकोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव स्वास्तिक मस्ताना, देशराज पठानिया कार्यकारिणी सदस्य संजय भट्ट, नितिन कुमार व गणमान्य सदस्यों ने शिरकत की।
** बोले, एरियर मिलने में लगेंगे 33 वर्ष, सरकार एकमुश्त करे बकाया राशि का भुगतान सरकार ने जनवरी, 2016 से फरवरी 2022 तक पेंशन एरियर तथा 1 जुलाई, 2022 से मार्च, 2024 तक चार प्रतिशत महंगाई भत्ता की बकाया राशि के भुगतान बारे 4 मार्च को अधिसूचना जारी की है, जिसका पेंशनरों ने कड़ा विरोध किया है। जिला पेंशनर्सर् एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन सोलन के जिला अध्यक्ष केडी शर्मा तथा महासचिव जगदीश पंवर ने प्रेस को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि इस अधिसूचना के अनुसार बकाया संशोधित पेंशन भुगतान में करीब 33 वर्ष लगेंगे और महंगाई भत्ता के बकाया भुगतान को 5 वर्ष 7 महीने की अवधि सरकार को देने में लगेगी। जिला अध्यक्ष व महासचिव सहित सभी जिला कार्यकारणी पदाधिकारियों ने ऐसी अधिसूचना पर आपत्ति जाहिर की है तथा यह आशंका जाहिर की है कि सरकार पर अफसरशाही हावी है और इसे बदनाम करने हेतु उलूल-जुलूल अधिसूचना जारी करवा कर एक मिसाल पेश की है। पेंशनरों ने इस अधिसूचना को तुरंत निरस्त करने की मांग की है। समस्त जिला पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इस अधिसूचना बारे कड़ा संज्ञान लेकर बकाया राशि को एकमुश्त जारी करने के आदेश जारी करे, अन्यथा पेंशनर संघ कठोर कदम उठाने पर विवश होगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला धर्मशाला के खूबसूरत स्टेडियम में खेला जाएगा। 7 मार्च से इस मुकाबले की शुरुआत होगी। भारत पांच मैचों की सीरीज में तीन-एक से आगे है तो वहीं इंग्लैंड की टीम भी चाहेगी कि सीरीज के आखिरी मुकाबले को जीतकर सम्मानजनक विदाई लें। इंग्लैंड टीम के खिलाड़ी जॉनी बरेस्टो मैच से पहले प्रेस वार्ता में आए और उन्होंने कहा कि इंग्लैंड बेहतर प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि वह अपना 100वां अंतरराष्ट्रीय टेस्ट मैच खेल रहे हैं, जब बचपन में क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब एक लक्ष्य रखा था कि 100वां टेस्ट मैच खेलूंगा, लेकिन अब यह सपना पूरा होने जा रहा है। वहीं, धर्मशाला मैदान को लेकर जॉनी बरेस्टो ने कहां कि धर्मशाला मैदान में आउटफील्ड और विकेट को बेहतर बनाया गया है। यहां विश्व कप के मैचों के बाद रणजी के मैच खेले गए हैं, उससे भी पिच बेहतर हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि पिच और आउटफील्ड दोनों ही टीमों के लिए मददगार होगी। उन्होंने कहा कि आईईसी विश्व कप के दौरान आउटफील्ड की स्थिति में अब सुधार हुआ है और यहां मैच खेलने का आनंद आएगा।
भारत और इंग्लैंड के बीच आखिरी टेस्ट मैच धर्मशाला के मैदान में खेला जाएगा। दोनों ही टीमें मैच से पहले मैदान में जमकर पसीना बहा रही हैं। आज भारतीय टीम की तरफ से आर. अश्विन ने प्रेस वार्ता में शिरकत की और कहा कि वे धर्मशाला में अपना 100वां टेस्ट खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट जगत में आए थे तो उन्होंने बतौर 20-20 क्रिकेट से खेलना शुरू किया था और आज वो टेस्ट क्रिकेट के इस बड़े मुकाम पर पहुंचे हैं। अश्विन ने कहा कि टेस्ट खेलने की अब तक की यात्रा बहुत बेहतरीन और शानदार रही है। बहुत से मैच हैं, जो यादगार हैं। जब भी आप इतना बड़ा आंकड़ा हासिल करते हैं तो उसे आंकड़े के दौरान आपकी यात्रा बेहतरीन ही रहती है। आईपीएल ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। 100वां टेस्ट न कि मेरे लिए, बल्कि फैमिली के लिए भी महत्वपूर्ण पड़ाव है। धर्मशाला के मैदान को लेकर अश्विन ने कहा कि वह 21 साल पहले भी इस मैदान में बतौर रणजी खिलाड़ी के रूप में खेल चुके हैंं। यहां पर अच्छी खासी ठंड है और इन परिस्थितियों में ढलने के लिए समय भी कम मिला है। अश्विन ने कहा कि गेंदबाजी के साथ-साथ उन्होंने अपनी बैटिंग पर भी बहुत मेहनत की है।
** दोनों टीमों के बीच 7 से 11 मार्च तक खेला जाएगा अंतिम टेस्ट मैच धर्मशाला खूबसूरत अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम एचपीसीए एक बार फिर से बड़ी मेजबानी के लिए तैयार है। 7 मार्च से 11 मार्च तक भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच यहां खेला जाएगा। दोनों ही टीमें में रविवार को धर्मशाला पहुंच चुकी हंै। वही आज सुबह बात की जाए तो इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों ने धर्मशाला के मैदान में प्रैक्टिस की और जमकर पसीना बहाया, इंग्लैंड टीम के तमाम खिलाड़ी धर्मशाला के मैदान में दिखे जहां गेंदबाजों ने गेंदबाजी का अभ्यास किया तो वहीं बल्लेबाजों ने बल्लेबाजी की। बता दें कि इंग्लैंड टीम के खिलाड़ियों को धर्मशाला का मैदान पसंद आ रहा है। वहीं, भारतीय टीम के खिलाड़ी भी आज मैदान में प्रैक्टिस करते हुए नजर आए। आज टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा भी यहां पहुंच गए हैं। भारत-इंग्लैंड टेस्ट मैच को लेकर हम तैयार : एचपीसीए सह सचिव विशाल एचपीसीए के सह सचिव विशाल शर्मा ने कहा कि एचपीसीए प्रबंधन भारत-इंग्लैंड मैच को लेकर तैयार है। उन्होंने कहा कि स्थानीय देवता इंदू्र नाग देवता के दर पर एचपीसीए ने अरदास की है, उम्मीद है कि मौसम पूर्ण रूप से साफ रहेगा। मैच वाले दिन कन्या पूजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में कोई भी बड़ा आयोजन हो, उसका हर किसी को लाभ होता है। 5 दिनों तक चलने वाले इसे टेस्ट मैच में पर्यटन को निश्चित रूप से लाभ होगा।
हिमाचल की कांग्रेस सरकार को प्रदेश हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाई कोर्ट ने सुक्खू सरकार के वाटर सेस एक्ट को असंवैधानिक करार दिया है। इस फैसले के बाद राज्य सरकार जल विद्युत परियोजनाओ से वाटर सेस नहीं वसूल सकेगी। यह फैसला मंगलवार को जस्टिस त्रिलोक चौहान और सत्येन वैद्य की बेंच ने सुनाया। जानकारी के अनुसार करीब 40 बिजली उत्पादन कंपनियों ने कोर्ट में एक्ट को लेकर सरकार को चुनौती दी थी। इन कंपनियों की ओर से कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी रहे वकील अभिषेक मनु सिंघवी और भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता वर्चुअली हाई कोर्ट में पेश हुए थे। हिमाचल सरकार की ओर से दुष्यंत दवे और अन्य वकीलों ने न्यायालय में हिमाचल सरकार का पक्ष रखा था। सरकार को हर साल करोड़ों की आय की थी उम्मीद बता दें कि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आते ही आर्थिक संसाधन जुटाने के लिए प्रदेश में चल रही बिजली परियोजनाओं पर जल उपकर लगाने का फैसला लिया था। इसके लिए विधानसभा में एक्ट बनाया गया। सरकार को इस कवायद से हर साल करीब 4000 करोड़ रुपये की आय की उम्मीद थी। हालांकि बाद में वॉटर सेस की दर की समीक्षा की गई, जिसके बाद हिमाचल को 2000 करोड़ रुपये की उम्मीद थी ।
** सीएम ने शिमला से पशु पालन विभाग की मोबाइल पशु चिकित्सा वैन को किया रवाना ** प्रदेश भर में कुल 44 मोबाइल पशु चिकित्सा वैनें विभिन्न ब्लॉकों में देंगी सेवाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के सरकार के लक्ष्य के तहत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला स्थित अपने सरकारी आवास ओक ओवर से पशु पालन विभाग की मोबाइल पशु चिकित्सा वैन को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर पशु पालन मंत्री चंद्र कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रदेश में कुल 44 मोबाइल पशु चिकित्सा वैनें विभिन्न ब्लॉक में अपनी सेवाएं देंगी। पशु के बीमार होने पर पशुपालक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1962 पर कॉल करके सेवा का लाभ ले सकेंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार किसानों और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है इसी दिशा में मोबाइल पशु चिकित्सा वैन को आज शिमला से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। वैन में एक डॉक्टर और एक वेटनरी फार्मासिस्ट मौजूद रहेगा। वहीं, शानन प्रॉजेक्ट को लेकर सवाल पर सीएम ने कहा कि पंजाब सरकार सुप्रीम कोर्ट गई है, लेकिन प्रोजेक्ट पर अब हिमाचल का हक है। हिमाचल सरकार अब सुप्रीम कोर्ट में अपना पक्ष रखेगी।
आनी पुलिस की टीम ने नाकाबंदी के दौरान दोगला पुल के समीप एक बस को चेक किया तो हरियाणा के एक व्यक्ति से 1.140 किलोग्राम चरस बरामद की गई। आरोपी की पहचान महावीर (56) पुत्र माहा सिंह निवासी गांव व डाकघर शामरी तहसील गोहाना जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना आनी में धारा 20, मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करके 3 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया गया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हिमाचल की सुक्खू सरकार लोकसभा चुनाव व पार्टी की हो रही फजीहत को देखते हुए लोक लुभावनी घोषणाएं कर रही है। आज जब लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और कांग्रेस अपनी झूठ गारंटियों का हश्र 4 राज्यों में देख चुकी है। आज मुख्यमंत्री मात्र डैमेज कंट्रोल और जनता में अपनी खराब हुई छवि को समेटने के चक्कर में घोषणाएं कर रहे हैं, जबकि बजट में इन बातों के लिए कोई भी प्रावधान नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री या तो खुद को बहुत चतुर समझते हैं या फिर हिमाचल की जनता को मूर्ख। बार-बार खाली खजाने की दुहाई देने वाले सीएम आज लोकसभा चुनाव को सामने देख एक बार फिर जनता को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीअपनी चतुराई दिखाते हुए यह भूल जाते हैं कि जब बजट में प्रावधान नहीं तो 1500 रुपये कहां से देने की बात कर रहे हैं। हिमाचल की जनता भोली हो सकती है पर अनपढ़ व अज्ञानी नहीं, उन्हें पता है कि जिस योजना को शुरू किया जाना होता है, उसके लिए पहले बजट में प्रावधान करना आवश्यक होता है। उन्होंने सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि इसमें कोई अतिश्योक्ति नहीं कि अप्रैल फूल बनाया जैसी बात कह कर पल्ला झाड़ जायें।
** बोले, विधायकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की हत्या कर रही यह सरकार नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में संपन्न राज्यसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की सरकार अल्पमत में आ गई है। इसी कारण बजट पारित करने के पहले भारतीय जनता पार्टी के 15 विधायकों को को निलंबित करके बजट पारित कराया गया। बीजेपी के विधायकों को निष्कासित करना इस बात का सबूत है कि सरकार अल्पमत में आ गई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि अपनी सरकार को बचाए रखने के लिए कांग्रेस सरकार अब नया यह षड्यंत्र रच रही है। कांग्रेस सरकार विशेषाधिकार कमेटी द्वारा बीजेपी के सात विधायकों को नोटिस देकर निष्कासित करने का प्रस्ताव लाकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को बचाने का प्रयास कर रही है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार को यह समझ आ गया है कि वह बहुमत खो चुके हैं और सत्ता में बने रहने के लिए उनके पास संख्या बल नहीं है। इसलिए नियमों की धज्जियां उड़ाकर विधायकों को निष्कासित करने का जो प्रयास हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार कर रही है वह आज तक भारत के इतिहास में किसी भी विधानसभा में नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यह विधायकों के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। लोकतंत्र में इस तरह की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार के इस षड्यंत्र की कड़ी निंदा करती है। बजट पारित होने के बाद बजट पारित होने के 5 दिनों के पश्चात प्रदेश की महिलाओं को सम्मान निधि के रूप में 1500 रुपए देने की घोषणा करने से स्पष्टहै कि मुख्यमंत्री स्वयं ही इस बात को महसूस कर रहे हैं कि उनके पास सरकार चलाने का बहुमत नहीं रह गया है। एक तरफ मुख्यमंत्री आर्थिक बदहाली का जिक्र कर रहे हैं दूसरी तरफ विधायकों को कैबिनेट दर्जी से नवाज रहे हैं। इस प्रकार के कामों से उनकी स्थिति और हास्यास्पद हो गई है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के विधायक, कार्यकर्ता, पदाधिकारी और मंत्री सरकार से खुश नहीं हैं। मंत्री लोग मंत्री परिषद की बैठकर छोड़कर रोते हुए बाहर निकल रहे हैं। वर्तमान सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है क्योंकि उसके पास विधानसभा में बहुमत नहीं है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी आज हिमाचल दौरे पर आ रहे हैं। वे हिमाचल वासियों को करोड़ों रुपये की सौगातें देंगे। जानकारी के मुताबिक सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री हमीरपुर जिले के दोसड़का में कई सड़क परियोजनाओं की आधाशिला रखेेंंगे। गडकरी 110 किलोमीटर लंबी हमीरपुर-मंडी सड़क का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बनने से हमीरपुर से मनाली की दूरी 124 किलोमीटर से कम होकर 110 किमी रह जाएगी। इस प्रोजेक्ट की डीपीआर बनाने का काम पिछले एक साल से चल रहा था। लोकसभा चुनाव को देखते हुए केंइ्र सरकार ने अस परियोजना पा काम करना शुरू कर दिया है। अब देखना होगा कि ये प्रोजेक्ट कितने समय में बनकर तैयार होता है।
हिमाचल के सोलन जिला में सोमवार देर रात भूस्खलन होने से गिरे मलबे में दो मजदूर दब गए, जिनकी दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कसौली विधानसभा हलके के गाहर गांव में निजी कंपनी की ओर से फ्लैट का निर्माण किया जा रहा था। सोमवार देर रात 12:30 बजे पहाड़ी से लैंडस्लाइडिंग हुई और मलबा मजदूरों के अस्थायी शेड पर आ गिरा। मजदूर मलबे के नीचे दब गए। वहीं, जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि, दोनों मजदूरों को बचाया नहीं जा सका। मलबे से शवों को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए एमएमयू अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूजीसी से विश्वविद्यालय की मान्यता मिलने के पश्चात केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली का पहला दीक्षांत समारोह नई दिल्ली में 7 मार्च को आयोजित होने जा रहा है। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्यातिथि शामिल होंगी, वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बतौर विशिष्ट अतिथि समारोह में शिरकत करेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी प्रथम दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। जानकारी देते हुए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर (हिमाचल) स्थित वेदव्यास परिसर की निदेशक प्रोफेसर सत्यम कुमार ने बताया कि वेदव्यास परिसर के कुल 263 छात्र-छात्राओं सहित 21 आचार्य एवं 5 कर्मचारी भी मंगलवार को इस दीक्षांत समारोह में भाग लेने हेतु दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के पूर्व छात्र विश्वविद्यालय में आयोजित अलुम्नी मीट के लिए इक_ा हुये। यह कार्यक्रम विभिन्न बैचों के पूर्व छात्रों का एक साथ लाया, जो अपने विश्वविद्यालय के दिनों की यादगार यादों को ताजा करने के लिए उत्सुक दिखे। इस अवसर पर हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. नंद लाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। भारतीय वानिकी अनुसंधान और शिक्षा परिषद के डीडीजी और निदेशक अंतर्राष्ट्रीय सहयोग विनय कुमार और ओमनी फ्लावर कनाडा के एमडी देवेंदर आसी विशिष्ट अतिथि थे। उपस्थित लोगों में कई भारतीय वन सेवा अधिकारी, विभिन्न सरकारी और सार्वजनिक उद्यमों के प्रशासक, प्रगतिशील किसान और उद्यमी शामिल थे। इस कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय सोलन से 1971 बैच के पासआउट राम लाल शर्मा ने भाग लिया, जो इस बैठक में उपस्थित सबसे पुराने पूर्व छात्र थे। इस अवसर पर पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार ठाकुर ने इस यादगार कार्यक्रम के लिए नौणी में एकत्र हुए देश-विदेश के आए पूर्व छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने संबोधन के दौरान, डॉ. नंद लाल शर्मा ने अपने विश्वविद्यालय के दिनों को याद किया और पूर्व छात्र एसोसिएशन द्वारा स्थापित कॉर्पस फंड में योगदान करने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि सभी विश्वविद्यालय के विकास में अपनी भूमिका निभा सके। उन्होंने पूर्व छात्रों से वर्तमान छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा करने, मार्गदर्शन और कौशल वृद्धि चर्चाओं को बढ़ावा देने का आग्रह किया। डॉ. नंद लाल शर्मा और देविंदर आसी दोनों ने कॉर्पस फंड में 1 लाख रुपये का योगदान दिया जबकि अनेक प्रतिभागियों ने भी इस फंड में अपना योगदान दिया। इस मौके पर आभार व्यक्त करते हुए कुलपति डॉ. राजेश्वर सिंह चंदेल ने संस्थान के भविष्य को आकार देने में पूर्व छात्रों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन और पूर्व और वर्तमान छात्रों के बीच संबंध मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में 6 मार्च को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में आयुष, युवा सेवाएं और खेल, कानून एवं विधि परामर्श मंत्री यादवेंद्र गोमा मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय में इस वर्ष में होने वाली शैक्षणिक व गैर शैक्षणिक गतिविधियों में सफल रहे छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।
लोअर लंबागांव में सड़क के बीचों बीच पड़े गड्ढे बड़े हादसा को न्योता दे रहे हैं। लोअर लंबागांव के मुख्य बाजार से लेकर जयसिंहपुर की तरफ जगह-जगह सड़क के बीच गड्ढे ही दिखाई दे रहे है। गौरतलब है कि जब भी सड़क में पड़े गड्ढे के बारे में संबंधित विभाग को सूचित किया जाता है तो यहां मिट्टी डालकर इन्हें भर दिया जाता है और कुछ दिनों में वैसे ही गड्ढे दोबारा पड़ जाते हंै। लेकिन जब भी बारिश होती है तो सड़क में पड़े गड्ढे पानी भरने से वाहन चालक भी इसका अंदेशा भी नहीं लगा पाता कि गड्डा कितना गहरा है। बीते दो दिन से जिस तरह बारिश हो रही थी, जिससे दो पहिया वाहन गिरते-गिरते बचा। उधर, लोकनिवि एक्सईएन विजय वर्मा ने बताया कि लोअर लंबागांव बाजार की सड़क का कार्य जल्दी ही पूरा कर दिया जाएगा।
** मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया एलान, 5 लाख से अधिक महिलाएं होंगी लाभान्वित ** योजना से जुड़ेगा हर परिवार, प्रति वर्ष 800 करोड़ रुपये होंगे खर्च हिमाचल में 18 से 80 वर्ष की सभी महिलाओं को 1500 रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी और यह पेंशन वित्त वर्ष 2024-25 में मिलना शुरू हो जाएगी। यह बड़ा एलान प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जिला लाहौल-स्पीति के बाद वित्त वर्ष 2024-25 से इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया गया है। योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को लाभ होगा। इसके लिए फॉर्म भरे जाएंगे। इस योजना से प्रत्येक परिवार सीधे-सीधे जुड़ेंगे। इस योजना पर 800 करोड़ रुपये प्रति वर्ष खर्च होगा। जब सरकार बनी तो प्रदेश की आर्थिक स्थिति थी खराब मुख्यमंत्री ने शिमला में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को पहले से दी जा रही 1150 रुपये पेंशन को बढ़ाकर 1500 रुपये किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक वर्ष पहले जब कांग्रेस की सरकार बनी, तो उस समय प्रदेश की आर्थिक स्थिति बदहाल थी। प्रदेश पर 75 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, कर्मचारियों की 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां थीं। लेकिन अपनी सार्थक नीतियों व कार्यक्रमों के बाद हमने इसका सामना किया। एक-एक कर पूरी की जा रहीं सभी गारंटियां सीएम ने कहा कि सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में पहली गारंटी पुरानी पेंशन स्कीम को लागू किया। दूसरी 650 करोड़ रुपये की गारंटी राजीव गांधी स्टार्टअप योजना को तीन चरणों में शुरू की। तीसरी अंग्रेजी मीडियम स्कूल खोलने की थी, उसे इस सत्र से पूरा किया जा रहा है। चौथी गारंटी के रूप में गाय के गोबर खरीद योजना को लागू किया। गाय के दूध की खरीद में 13 और भैंस के दूध में 23 रुपये की वृद्धि की। प्राकृतिक खेती पर भी एमएसपी को लागू किया।
भारतीय डाक विभाग द्वारा 6 मार्च से 11 मार्च तक 9 से 15 वर्ष आयु वर्ग तक के छात्र-छात्राओं के लिए अंतरराष्ट्रीय पत्र प्रतियोगिता-2024 का आयोजन कर रहा है। यह जानकारी डाक मंडल सोलन के अधीक्षक राम देव पाठक ने दी। राम देव पाठक ने कहा कि प्रतियोगिता का विषय '150 साल पुराने, यूपीयू ने आठ पीढ़ियों से अधिक समय तक दुनिया भर के लोगों की सेवा की है। तब से दुनिया काफी बदल गई है। आने वाली पीढ़ियों को उस दुनिया के बारे में एक पत्र लिखे, जिसके बारे में आप आशा करते है कि वे उन्हें विरासत में मिलेगी निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के विषय में अधिक जानकारी डाक विभाग की वेबसाइट www.indiapost.gov.in से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पत्र लेखन प्रतियोगिता भारतीय डाक विभाग द्वारा 11 मार्च से पहले निर्धारित स्कूलों में आयोजित की जाएगी।
** राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने चालक मदन के निधन पर जताया शोक किन्नौर जिला के निगुलसरी में भारी भू-स्खलन से अवरुद्ध हुए राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 की बहाली कार्य में जुटे एलटी चालक मदन पर पहाड़ी से भारी चट्टान गिर गई, जिस कारण उनका निधन हो गया। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया व उनके समस्त परिवार के साथ सांत्वना व्यक्त की। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि कुल्लू जिला के 27 वर्षीय एलटी चालक मदन ने गत वर्ष निगुलसरी में अवरुद्ध हुए सड़क मार्ग की बहाली में सरहानीय कार्य किया था तथा दिन-रात एक कर सड़क की बहाली सुनिश्चित की थी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की तथा उनके परिवार को इस असहनीय क्षति को सहन करने के लिए भी ईश्वर से प्रार्थना की।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बलाहर की पूर्व छात्रा खेल कोटे से नौकरी पाकर शास्त्री अध्यापिका बन गई हैं। यह विश्वविद्यालय के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण है। मोनिका मुमता (समलोटी) नगरोटा बगवां से हैं और उन्होंने 2019 में शास्त्री, 2022 में बीएड और 2023 में आचार्य की डिग्री केंद्रीय संस्कृत विश्विद्यालय बलाहर से प्राप्त की है। वेदव्यास परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुुमारी ने बताया कि राजकीय माध्यमिक पाठशाला बढ़हूं (सुनहेत )में मोनिका को नियुुक्ति मिली है। वहीं परिसर के क्रीड़ा विभाग के सहायक निदेशक डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि मोनिका राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय स्तरीय व अंतर विश्वविद्यालय खो-खो प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं, जिसके आधार पर हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित 3 प्रतिशत खेल कोटे के आधार पर उसे सीधी नियुक्ति मिली है। डॉ. संजय कुमार मनकोटिया सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा तथा खेल ने बताया कि यह केंद्रीय संकेत विश्वविद्यालय के वेद व्यास परिसर के इतिहास में पहली बार है जब खेल कोटे में किसी शास्त्री अध्यापिका की नियुक्ति हिमाचल प्रदेश सरकार के शिक्षा विभाग में हुई है। उन्होंने बताया कि मोनिका एक अनुशासित खिलाड़ी रही है और यह अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा हैं। वेद व्यास परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुमारीने कहा कि मोनिका ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी भाग लिया और आज उसे इसका फल मिला है। उन्होंने कहा कि मोनिका जैसी अन्य प्रतिभाशाली छात्राओं के लिए प्रोत्साहन है और यह दर्शाता है कि शिक्षा और खेल दोनों में उत्कृष्टता प्राप्त करना संभव है।
** बोले, वित्तीय कुप्रबंधन और प्रदेश को पीछे ले जाने के लिए जानी जाएगी कांग्रेस सरकार नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि 15 महीने में प्रदेश के लोगों के लिए कुछ भी नहीं कर पाई है। विकास का एक भी काम वर्तमान सरकार के कार्यकाल में नहीं हो पाया है। पिछली सरकार द्वारा किए गए विकास के कामों पर ब्रेक अलग लगा दी गई है। आज तक ऐसी 'नॉन परफार्मिंग' सरकार किसी ने भी नहीं देखी। सरकार का काम होता है विकास के काम करना, जनहित के फैसले लेना, जनता को सुविधाएं देने वाले संस्थान खोलना और जनहितकारी योजनाएं बनाकर उसे लागू करना, लेकिन वर्तमान सरकार इन सभी मामलों में फिसड्डी साबित हुई है। सरकार सभी काम जन अपेक्षा के विपरीत कर रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार का काम होता है कि सरकार चुनाव के समय अपनी पार्टी के द्वारा जनता से किए वादे पूरे करने का काम करती है। लेकिन मुख्यमंत्री और कैबिनेट के नेताओं को यह भी याद नहीं है कि चुनाव के समय वे और उनकी पार्टी ने प्रदेश के लोगों से क्या-क्या वादा किए है, उन्हें ठगने के लिए क्या-क्या सब्ज़बाग दिखाए हैं। अब तो विधान सभा के अंदर ही सरकार के नुमाइंदे मुकर रहे हैं कि उन्होंने ऐसा कुछ कहा ही नहीं। ' करने के बजाय विधायकों को 'फैसिलिटेट' कर रही यह सरकार जयराम ठाकुर ने कहा कि अगर सरकार के लोगों को जब याद ही नहीं है तो वह अपने वादे पूरे कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले से तय किया था कि चुनाव जीतने के लिए प्रदेश के लोगों से सिफ़र् झूठ बोलना था। यही कारण है कि आज जनता के बीच रहने वाले कांग्रेसी विधायकों को जनता के बीच जाना मुश्किल हो रहा है। जनता के सवालों के जवाब देना और उनसे नजरें बचाना मुश्किल हो रहा है। यही कारण है कि कांग्रेस के कई कद्दावर नेता और मंत्री अपनी सरकार को ही आंख दिखा रहे हैं क्योंकि जनता उनका रास्ता रोक कर गारंटियों की याद दिला रही है। लेकिन सरकार है कि जनता को 'फैसिलिटेट' करने के बजाय विधायकों को 'फैसिलिटेट' करने पर ध्यान दे रही है। ऐसे में आम आदमी का क्या दोष है यह जनता जानना चाहती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह सरकार भविष्य में अपनी नाकामियों और वित्तीय कुप्रबंधन के लिए जानी जाएगी। यह सरकार कर्ज तो हर महीने लेती है, लेकिन जनहित के कामों कोसों दूर है। वर्तमान सुक्खू नीत कांग्रेस सरकार को प्रदेश लोग एक झूठी, जनविरोधी, विकास विरोधी, प्रदेश को आगे बजाय पीछे ले जाने वाली और नाकाम सरकार के रूप में याद करेंगे, जिसने लोकप्रियता के बजाय 'लोकप्रियता' का खिताब हासिल था।
कांशी राम राजकीय महाविद्यालय डाडासीबा में आज करियर एंड गाइडेंस सेल तथा रोड सेफ्टी क्लब द्वारा संयुक्त रूप से एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य वाहनों की अनैतिक रूप से की जा रही मोडिफिकेशन के नुकसान तथा ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में स्नातक स्तर के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के विविध अवसरों पर प्रकाश डालना था। इस कार्यशाला में मारुति सुजुकी इंडिया के अंतर्गत विख्यात व्हीकल ऐड कांगड़ा, सुनहेत के वर्कशॉप मैनेजर विजय कांैडल व बॉडीशॉप मैनेजर कुलदीप ने ऑटोमोबाइल के क्षेत्र में सुजुकी मोटर के योगदान तथा कंपनी द्वारा प्रदत्त विविध रोजगार के अवसरों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। इसके साथ ही वाहनों के गैरकानूनी मॉफिफिकेशन को रोकने हेतु दंड के प्रावधानों पर प्रकाश डाला। महाविधालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. जतिंदर कुमार ने रिसोर्स पर्सन का स्वागत किया। मंच का संचालन करियर एंड गाइडेंस सेल के इंचार्ज प्रो. रामपाल ने व धन्यवाद प्रस्ताव रोड सेफ्टी इंचार्ज प्रो. पलक सिंह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. दविंदर सिंह, खेम चंद, शीतल व लिपिक रामदयाल भी उपस्थित रहे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने प्रदेश सरकार से शिमला और मंडी में संचार क्रांति के मसीहा रहे स्व. पंडित सुखराम की प्रतिमाएं स्थापित करने की मांग उठाई है। आश्रय शर्मा ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि स्व. पंडित सुखराम ने देश और प्रदेश में जो संचार क्रांति लाई, उसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों सहित पूरे प्रदेश में 90 के दशक में ऑप्टीकल फाइबर बिछाई और आज दिन तक पूरा प्रदेश इसी के दम पर हाई स्पीड इंटरनेट की सुविधा हासिल कर पा रहा है। उस दौर में प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में हेलिकॉप्टरों के माध्यम से टेलिफोन एक्सचेंज की मशीनरी पहुंचाकर उन्हें स्थापित किया और गांव-गांव के घर-घर में टेलिफोन की घंटियां बजाकर लोगों को एक-दूसरे के साथ जोड़ने का सराहनीय कार्य किया। गांव-गांव में पीसीओ स्थापित किए और उसके माध्यम से लोगों को रोजगार के साथ जोड़ा। स्व. पंडित सुखराम ने अपने कार्यकाल में देश में जो संचार क्रांति लाई आज उसी के दम पर करोड़ों लोगों को रोजगार मिला है और इस क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहे हैं। इस देश में कृषि क्रांति के बाद अगर कोई दूसरी क्रांति लोगों के लिए हितकारी साबित हुई है तो वह संचार क्रांति ही है। आज पंडित सुखराम हमारे बीच में नहीं है, लेकिन उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य युगों युगों तक मानव जाति के उत्थान के लिए काम आते रहेंगे। इसलिए ऐसी महान विभूति की राजधानी शिमला के रिज मैदान पर और उनके अपने गृह जिला के मुख्यालय के प्रमुख स्थान पर प्रतिमा का होना बेहद जरूरी है। इसलिए हम सरकार से मांग करते हैं कि सरकार जल्द से जल्द रिज मैदान पर और मंडी में प्रतिमा के लिए जमीन उपलब्ध करवाए और तुरंत प्रभाव से इसकी स्थापना भी की जाए, ताकि भावी पीढ़ियों को उनके द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी मिलती रहे।
** रिज मैदान से 20 टीमों को हरी झंडी दिखाकर राफ्टिंग के लिए रवाना किया ** आज से 9 मार्च तक बसंतपुर के निकट सतलुज नदी में आयोजित होगी चैंपियनशिप मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से 4 से 9 मार्च तक बसंतपुर के निकट सतलुज नदी में आयोजित की जा रही एशियन रिवर राफ्टिंग चैंपियनशिप में भाग लेने वाली टीमों को हरी झंडी दिखाकर चैंपियनशिप शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में नेपाल, भूटान, श्रीलंका, ईरान, इराक, तजाकिस्तान, कजाकिस्तान तथा इंडोनेशिया सहित 20 टीमें भाग ले रही हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में जिला हमीरपुर के नादौन में राफ्टिंग मैराथन और गत वर्ष जिला शिमला के जुन्गा में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। राज्य में लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए साहसिक खेल गतिविधियों का आयोजन करवाया जा रहा है। इससे प्रदेश ने राजस्व बढ़ोतरी के साथ-साथ लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होती है।
** कहा, गुटों में विभाजित कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही ** अपने ही मुख्यमंत्री पर आई आपदा में अवसर तलाश रहे कांग्रेसी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विवेक शर्मा ने कहा कि गुटों में विभाजित कांग्रेस अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। आकाओं को खुश करने के लिए विधायकों के पुतले फूंके जा रहे हैं। पार्टी नेता बयान पर बयान जारी कर खुद पर हुए अन्याय की बात कर रहे हैं। वहीं, अभिव्यक्ति की आजादी की बात करने वाले और न्याय यात्रा कर रहे राहुल गांधी अपने ही नेताओं के साथ हो रहे अन्याय पर मौन हैं। विधायकों के घरों की सुरक्षा इस प्रकार बढ़ा दी गई है, जैसे वे विधायक नहीं, राजनीतिक अपराधी हाउस अरेस्ट हों। आखिर हिमाचल में हो क्या रहा है। अस्थिरता का आलम यह है कि शौचालय गया हुआ मंत्री अगर 10 मिनट तक बाहर ना आए तो सुरक्षा कर्मी शीशे से अंदर झांक रहे हैं। कुछ लोगों को यह विघटन लव जिहाद दिख रहा है, पर सच्चाई यह है कि अपने ही मुख्यमंत्री पर आई आपदा में कांग्रेसी अवसर तलाश रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश में सियासत का पारा काफी चढ़ा हुआ है। अपने ही सीएम से नाराज चल रहे प्रदेश के पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह बीते तीन दिन से दिल्ली में डेरा जमाए बैठे हैं। उन्होंने रविवार देर शाम को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की है। सूत्रों की मानें तो उन्होंने प्रियंका गांधी और वेणुगोपाल को अपनी नाराजगी की वजह बताई है साथ ही हिमाचल प्रदेश में चल रहे वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम से अवगत कराया है। वहीं, उनके भाजपा में जाने या नई पार्टी का गठन करने की अटकलों पर भी अब विराम लग गया है। विक्रमादित्य सिंह ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में हुई क्रॉस वोटिंग के बारे में भी प्रियंका गांधी को बताया साथ ही किन हालात के चलते कांग्रेस के छह विधायक नाराज हुए, इसकी जानकारी भी दी है। आज वे वापस शिमला लौट सकते हैं।


















































