2012 की तरह ही इस बार फिर जिला चम्बा सत्ता के साथ नहीं गया है। जिला की पांच में से तीन सीटों पर भाजपा ने बाजी मारी है, लेकिन सरकार कांग्रेस की बनी है। इन दो मौकों को छोड़ दिया जाएँ तो लम्बे समय से ये सिलसिला रहा है कि प्रदेश में जिसकी सरकार बनती है वो ही पार्टी चंबा में भी बाजी मारती है। आंकड़ों पर निगाह डाले तो भाजपा के अस्तित्व में आने के बाद 1982 से 2022 तक हिमाचल प्रदेश में 10 विधानसभा चुनाव हुए, जिनमें से आठ बार प्रदेश में उसी दल या गठबंधन की सरकार बनी है जिसने जिला चंबा में बढ़त हासिल की है। इस बार चम्बा जिला में चम्बा सदर और भटियात सीट पर कांग्रेस ने बाजी मारी है, तो भरमौर, डलहौज़ी और चुराह में भाजपा जीती है। वहीं 2017 के चुनाव की बात करे तो भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार सीटें जीती थी, जबकि केवल एक सीट डलहौजी पर कांग्रेस को जीत मिली थी। इस बार भाजपा ने चार सीटिंग विधायकों में से सिर्फ दो को मैदान में उतारा था और दो नए चेहरों को मौका दिया। 2017 में चुराह से हंसराज, चम्बा सदर से पवन नय्यर, भरमौर से जिया लाल और भटियात से विक्रम जरियाल, भाजपा टिकट पर जीत कर विधानसभा पहुंचे थे। पर इस बार इनमें से दो का रास्ता भाजपा ने टिकट आवंटन के साथ ही रोक दिया। चुराह से हंसराज और भटियात से विक्रम जरियाल को तो भाजपा ने टिकट दिया, लेकिन चम्बा सदर से सीटिंग विधायक पवन नैय्यर और भरमौर से सीटिंग विधायक जियालाल का टिकट काट दिया। भरमौर से पार्टी ने डॉ जनकराज को मैदान में उतारा, तो सदर सीट पर नाटकीय घटनाक्रम के बाद निवर्तमान विधायक की पत्नी नीलम नय्यर को टिकट दिया गया। वहीँ डलहौजी से भाजपा ने एक बार फिर आशा कुमारी के खिलाफ डीएस ठाकुर को मैदान में उतारा था। उधर कांग्रेस ने चार पुराने प्रत्याशी उतारे थे और एक नए चेहरे को मौका दिया गया। डलहौज़ी से आशा कुमारी, सदर सीट से नीरज नय्यर, भरमौर से ठाकुर सिंह भरमौरी, भटियात से कुलदीप सिंह पठानिया को कांग्रेस ने फिर मैदान में उतारा, जबकि चुराह सीट से पार्टी ने यशवंत खन्ना को मौका दिया। भरमौर: भरमौरी के अनुभव पर भारी पड़े डॉ जनकराज मंडी संसदीय उपचुनाव में भरमौर विधानसभा सीट पर कांग्रेस को लीड मिली थी, लेकिन विधानसभा चुनाव में उल्टा हुआ। दरअसल, इस बार भाजपा ने यहाँ से सीटिंग विधायक जियालाल का टिकट काट कर नए चेहरे के तौर पर आईजीएमसी के एमएस रहे डॉ जनकराज को टिकट दिया, तो उधर कांग्रेस ने अपने अनुभवी चेहरे ठाकुर सिंह भरमौरी को ही मैदान में उतारा था। डॉ जनकराज ने यहाँ करीब पांच हजार वोट के अंतर से ठाकुर सिंह भरमौरी को पटकनी दी और अपने पहले ही चुनाव में विधानसभा की चौखट चढ़ने में कामयाब रहे। डॉ जनकराज ने आईजीएमसी शिमला में सेवाएं देते हुए हमेशा चम्बा वालों का विशेष ख्याल रखा है। कहते है अगर उनके क्षेत्र से कोई अनजान व्यक्ति भी मदद के लिए उनके पास शिमला पंहुचा तो उन्होंने तन-मन -धन से हमेशा सहायता की। चुनाव प्रचार के दौरान भी डॉ जनकराज फील्ड में बीमारों का उपचार करते दिखे। उनकी सादगी और आम लोगों से जुड़ाव ठाकुर सिंह भरमौरी के लम्बे अनुभव पर भारी पड़ गया। भरमौर में कांग्रेस टिकट को लेकर भी खींचतान थी। युवा कांग्रेस महासचिव सुरजीत भरमौरी भी यहाँ टिकट के दावेदार थे, पर पार्टी ने ठाकुर सिंह भरमौरी के अनुभव पर भरोसा जताया। अलबत्ता यहाँ कांग्रेस में खुलकर बगावत न हुई हो लेकिन माना जा रहा है कि सुरजीत के समर्थक इससे खफा थे। जो फ्लोटिंग वोट डॉ जनकराज के साथ गया है, संभवतः सुरजीत उसमें सेंध लगा सकते थे। डलहौजी : विधानसभा नहीं पहुंची सीएम पद की दावेदार 2017 में जब जिला चम्बा की चार विधानसभा सीटों पर भाजपा ने फतेह हासिल की थी ,तब डलहौज़ी विधानसभा सीट एक मात्र ऐसी सीट थी जहाँ कांग्रेस को जीत मिली थी। पर इस बार चुनाव शुरू होने के साथ ही डलहौजी में आशा कुमारी के हारने के कयास लग रहे थे। हालांकि आशा कुमारी सीएम पद के दावेदारों में शुमार थी और उनके समर्थक उन्हें भावी सीएम के तौर पर प्रमोट भी कर रहे थे। किन्तु जनता ने बदलाव का मन बना लिया था और आशा कुमारी को यहाँ करीब दस हजार वोट के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। परिसीमन बदलने से पहले डलहौज़ी विधानसभा सीट बनीखेत के नाम से जानी जाती थी। इस सीट पर आशा कुमारी का दबदबा रहा है। 1985 से आशा कुमारी यहाँ पांच बार विधायक रही है। 1990 और 2007 के बाद इस बार फिर भाजपा इस सीट पर कमल खिलाने में कामयाब रही है। इस बार भाजपा से फिर डीएस ठाकुर मैदान में थे जिन्होंने पिछले चुनाव में भी आशा कुमारी को कड़ी टक्कर दी थी। आशा कुमारी प्रदेश कांग्रेस का बड़ा नाम है और विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक भी थी। किन्तु पुरे चुनाव में आशा कुमारी अपने निर्वाचन क्षेत्र तक सिमित रही। संभवतः उन्हें अंदाजा था कि उनकी राह आसान नहीं होने वाली। हालांकि आशा कुमारी के प्रयास अंत में सफल सिद्ध नहीं हुए। चुराह : हंसराज की हैट्रिक चुराह विधानसभा सीट पर इस बार कांग्रेस ने एक नए चेहरे यशवंत सिंह खन्ना को मैदान में उतारा था। जबकि अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले चुराह के सिटींग विधायक हंसराज भाजपा से एक बार फिर मैदान में थे। माहिर मान रहे थे कि इस बार हंसराज के लिए विधानसभा पहुंचना मुश्किल हो सकता है, किन्तु ऐसा हुआ नहीं। हंसराज ने करीब ढाई हजार के अंतर से चुनाव जीत इस बार हैट्रिक लगा ली है। परिसीमन बदलने से पहले चुराह विधानसभा सीट राजनगर के नाम से जानी जाती थी। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों को जनता का बराबर प्यार मिला है। 2012 में हंसराज पहली दफा मैदान में उतरे और जीत गए। 2017 में भी हंसराज ने ही रिपीट किया, और इस मर्तबा तीसरी बार जीते। चुराह के जातीय समीकरणों का लाभ तो हंसराज को मिलता ही है, साथ ही उनकी छवि भी काम करने वाले नेता की है। निर्वाचन क्षेत्र के बाहर के लोगों के लिए हंसराज उनके विवादित बयानों की वजह से चर्चा का केंद्र रहते है, लेकिन क्षेत्र में उनकी छवि दमदार नेता की है। चम्बा : हर्ष महाजन गए और कांग्रेस आ गई ! चम्बा सदर सीट पर इस बार सबकी निगाहें टिकी थी। कभी वीरभद्र सिंह के बेहद करीबी रहे हर्ष महाजन चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। हर्ष महाजन 1993 से 2007 तक तीन बार चंबा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे है। तीन दफा जीत की हैट्रिक लगाने के बाद महाजन ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चुनावों का जिम्मा संभाला। तब से महाजन चुनावी राजनीति से दूर ही रहे, लेकिन इत्तेफाक ये रहा कि तब से चम्बा सदर सीट पर कांग्रेस को लगातार हार का सामना ही करना पड़ रहा था। अब महाजन इस बार भाजपा में गए, तो भाजपा हार गई। इस सीट पर टिकट आवंटन के बाद से भाजपा असहज दिखी। पहले पार्टी ने इंदिरा कपूर को टिकट दिया लेकिन सीटिंग विधायक पवन नैय्यर के विद्रोह के चलते अंतिम समय में उनकी पत्नी नीलम नय्यर को टिकट दे दिया। इसके बाद इंदिरा कपूर भी बगावत कर मैदान में उतर गई। उधर कांग्रेस ने पिछला चुनाव लड़े नीरज नैय्यर को फिर मैदान में उतारा। नीरज सात हजार से अधिक मतों के अंतर से चुनाव जीत गए। भाजपा में हुई बगावत का लाभ यहाँ नीरज नय्यर को मिला। साथ ही नीरज बीते पांच साल से लगातार मैदान में थे जिसका लाभ भी उन्हें मिला। वहीं भाजपा का विधायक की पत्नी को टिकट देना पार्टी के भीतर भी कुछ लोगों को नहीं जमा। कांग्रेस को परिवारवाद पर घेरने वाली भाजपा चम्बा में परिवारवाद की ध्वजवाहक बन गई। भटियात : कांग्रेस जीती, अब मंत्री पद की आस भटियात विधानसभा सीट पर इस बार दो पुराने प्रतिद्वंदी एक बार फिर आमने-सामने थे। भाजपा से यहाँ सीटिंग विधायक विक्रम जरियाल मैदान में थे, तो कांग्रेस से कुलदीप पठानिया। पिछले नतीजों पर गौर करे तो यहाँ विक्रम जरियाल लगातार दो बार कमल खिलाने में सफल रहे थे। कुलदीप 2012 में सिर्फ 112 वोट से हारे थे, जबकि 2017 में ये अंतर सात हजार के करीब था। पर इस बार कुलदीप पठानिया को जीत मिली और उन्होंने जरियाल को करीब पंद्रह सौ वोट से शिकस्त दी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप सिंह पठानिया मंत्री पद के भी दावेदार है। माना जा रहा है कि उन्हें मंत्री पद या विधानसभा स्पीकर -डिप्टी स्पीकर में से कोई पद मिल सकता है। 2017 में भाजपा को चार सीटें देने वाले जिला चम्बा को तब विधानसभा उपाध्यक्ष का पद मिला था। क्या अब जिला में कांग्रेस को दो सीटें मिलने के बावजूद चम्बा को मंत्री पद मिलेगा, इस पर सबकी निगाहें टिकी है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। बिलासपुर भोपाल में होने जा रही राष्ट्रीय जूनियर कायकिंग एंड कनोइंग चैंपियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम पूरी तरह तयार होकर आज यहां से भोपाल के लिए रवाना हो गई। टीम को बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हुए जिला कायकिंग एंड कनोइंग एसोसिएशन ने सुंदर किट प्रदान की और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करके मेडल हासिल करने की उम्मीद जताई। हिमाचल प्रदेश की इस जूनियर टीम का भोपाल जाने से पूर्व बिलासपुर की गोविंदसागर झील में एक दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। जिसमें सभी खिलाड़ियों को कायकिंग एंड कनोइंग के विभिन्न गुर सिखाए गए। वहीं, जल क्रीड़ा केंद्र प्रभारी जमुना ठाकुर ने बताया की सभी खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षण शिविर के दौरान बेहरीन प्रदर्शन किया है और उन्हें उम्मीद है कि हिमाचल प्रदेश की यह जूनियर टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपना अव्वल प्रदर्शन करेगी। वहीं, कायकिंग एंड कनोइंग एसोसिएशन के जिला प्रधान कमल गौतम ने कहा कि राज्य संघ के निर्देशानुसार सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई है और सभी खिलाड़ीयो ने इस प्रतियोगिता के लिए अपनी ट्रेनिंग कैंप में जो उत्साह दिखाया है, उससे पूरा विश्वास है कि टीम हिमाचल प्रदेश के लिए मेडल हासिल करके राज्य का नाम रोशन करेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से बिलासपुर की गोविंदसागर झील और कोलडैम झील में वाटर स्पोर्ट्स की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी, जिसके लिए एसोसियशन ने अपने प्रयास शुरू कर दिए हैं। जल्द ही बिलासपुर की इन दो बड़ी झीलों में वाटर स्पोर्ट्स से जुडी अन्य खेलों की योजनाएं बनाने के लिए एक्सपर्ट्स को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि भविष्य का संभावित खाका तैयार किया जा सके। वहीं, हिमाचल प्रदेश की जूनियर टीम में भाग ले रहे बच्चों ने अपनी खुशी जाहिर करते विश्वास दिलाया कि पूरी टीम हिमाचल प्रदेश को मेडल लाने का पूरा प्रयास करेगी और इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश नाम ऊंचा करेगी। इस अवसर पर जिला कायकिंग एंड कनोइंग एसोसिएशन के जिला प्रधान कमल गौतम सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य निर्मला राजपूत, हर्ष दबड़ा, बृजेश सिंह, सुनील राणा, मनोज शर्मा, प्रविंद्र शर्मा, कमल, कमल चंदेल, कन्हैया लाल, दिवेश चंदेल, पंकज ठाकुर, कंचन शर्मा, वरिष्ठ जल क्रीड़ा खिलाड़ी बिंदिया चंदेल, सरोज चंदेल, सोमनाथ, विजय ठाकुर तथा जल क्रीड़ा केंद्र प्रभारी जमुना ठाकुर भी उपस्थित रहे।
सरकार की अनुमति के बिना ही ले लिया मनरेगा मज़दूरों के लाभ रोकने का फ़ैसला फर्स्ट वर्डिक्ट। घुमारवीं हिमाचल भवन एवं सड़क निर्माण मज़दूर यूनियन ने 12 दिसंबर को राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के सचिव द्धारा मनरेगा मज़दूरों के आवेदन पत्र लेने और उन्हें मिलने वाले लाभ रोकने सबंधी पत्र को उक्त अधिकारी की मनमर्ज़ी और अनुशासन हीनता वाला फैसला बताया है और मुख्यमंत्री से इस अधिकारी को तुरंत पद से हटाने की मांग की है। जोगिंद्र कुमार हिमाचल भवन एवं सड़क निर्माण मजदूर यूनियन के राज्य अध्यक्ष व श्रमिक कल्याण बोर्ड के सदस्य ने बताया कि वर्ष 2013 में यूपीए-2 सरकार ने मनरेगा मज़दूरों को राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड का सदस्य बनाने का फ़ैसला किया था, लेक़िन 2017 में केंद्र की मोदी सरकार ने मनरेगा मज़दूरों को इससे बाहर रखने सबंधी एक पत्र राज्य सरकारों को भेजा था, लेकिन हिमाचल प्रदेश की भाजपा सरकार ने इस पर कोई कार्यवाई नहीं की, बल्कि इस दौरान मनरेगा मज़दूरों को बोर्ड से सभी लाभ मिलते रहे, लेक़िन इस बर्ष 12 सितंबर को बोर्ड के सचिव ने केंद्र सरकार के स्मरण पत्र के संदर्भ में फ़िर से राज्य सरकार के श्रम विभाग को एक पत्र लिखा था, जिसमें इस बारे दोबारा क्लेरिफिकेशन मांगी थी, जो पिछली सरकार ने लंबित रखी थी। हालांकि इस मुद्दे को गुपचुप तरीके से दस घंटे के नोटिस पर 24 सितंबर को मंडी में बुलाई गई बोर्ड की मीटिंग में एजेंडा बनाया गया था, जिसकी अध्यक्षता श्रम मंत्री ने की थी, लेकिन सीटू से सबंधित हिमाचल भवन एवं सड़क निर्माण यूनियन के राज्य अध्यक्ष जो बोर्ड के सदस्य भी हैं उनके विरोध के कारण मंत्री ने इसे स्थगित करने के निर्देश दिए थे। बाबजूद इसके बोर्ड के सचिव ने मौखिक तौर पर मनरेगा मज़दूरों के प्रपत्रों की छंटाई करवा दी थी और उनके लाभ भी रोक दिए थे, जिसके ख़िलाफ़ सीटू से सबंधित यूनियन ने प्रदेश भर में खंड स्तर पर सितंबर माह में प्रदर्शन किए थे और 6 अक्तूबर को हमीरपुर में एक विशाल रैली निकाल कर सरकार को मांगपत्र भेजे थे, लेकिन उस समय उक्त सचिव ने कोई आदेश जारी नहीं किए थे और जिलों में आवेदन स्वीकार किए जा रहे थे और उसके बाद विधानसभा चुनावों की आचार संहिता लागू हो गई, जिस कारण ये मामला अभी तक लंबित था, लेकिन बड़ी हैरानी की बात तब हुई, जब चुनावों में भाजपा की हार हो गई और राज्य में नई सरकार बनी जिसका शपथ ग्रहण समारोह 10 दिसंबर को शिमला में हुआ और मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री ने 12 दिसंबर को कार्यभार ग्रहण किया और उन्होंने भाजपा सरकार द्धारा अप्रैल माह के बाद लिए गए सभी निर्णयों की समीक्षा करने का फ़ैसला लिया, लेकिन उसी दिन श्रमिक कल्याण बोर्ड के सचिव ने बिना सरकार की अनुमति के सभी श्रम अधिकारीयों को आदेश जारी कर दिए कि मनरेगा मज़दूरों के आवेदन प्रपत्र न लेने और बोर्ड के कर्मचारियों को उनके लाभ रोकने के लिए भी निर्देश जारी कर दिए। यही नहीं उन्होंने ये पत्र भाजपा नेताओं को भी उपलब्ध करवाया, जिन्होंने इसे सोशल मीडिया पर पूरे प्रदेश में जारी कर दिया और इसे मुख्यमंत्री का मनरेगा मज़दूरों के लिए पहला तोहफ़ा बताया। इससे ये साबित हो गया कि बोर्ड के सचिव ने जो मामला पूर्व भाजपा सरकार के समक्ष पेश किया था, उसे नई सरकार की गठन प्रक्रिया और बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त होने से पहले ही किस हैसियत से जारी किया, ये सब इस अधिकारी भी मनमर्ज़ी और मुख्यमंत्री के आदेशों की उलंगन्ना का काम है और ये सब नई सरकार की छवि खराब करने के उद्देश्य से किया गया है। जोगिंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि बोर्ड के सचिव के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाई की जाए और उन्हें तुरंत बर्खास्त किया जाए। उन्होंने नई सरकार से ये भी मांग की है कि मनरेगा मज़दूरों को पहले की भांति बोर्ड का सदस्य बनने का प्रावधान जारी रखा जाए और लंबित लाभ जल्दी जारी किए जाएं, जो भाजपा सरकार ने अगस्त माह के बाद बिना किसी नोटिफिकेशन के रोके हुए हैं। जोगिंद्र कुमार ये भी मांग की है कि बोर्ड ने पिछले छह महीने से किस आधार पर मजदूरों के लाभ रोके थे उसकी भी जांच कराई जाए।
एक बार फिर राज्य सचिवालय के कमरा नंबर 202 का इतिहास बरकरार रहा। बीते करीब ढाई दशक का इतिहास बताता है कि कमरा नंबर 202 में बैठने वाले कैबिनेट मंत्री जीतकर वापस विधानसभा नहीं पहुंचते और इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। सचिवालय के कमरा नंबर 202 में बैठने वाले पूर्व मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा इस बार चुनाव हार गए। अब प्रदेश में कांग्रेस की सत्ता वापसी हो चुकी है और ये कमरा नंबर 202 फिर चर्चा में आ गया है। बहरहाल सबसे बड़ा सवाल ये है कि इस बार इस कमरे में कौन बैठेगा ? जो मंत्री कमरा नंबर 202 में बैठकर सरकार का कामकाज निपटाएगा क्या अगली बार चुनाव जीत पायेगा ? इन सभी सवालों का जवाब देना तो मुश्किल है, लेकिन इतना ज़रूर है कि जो विधायक मंत्री पद को लेकर आश्वस्त हैं, उनके समर्थक उन्हें इस कमरे में न बैठने की सलाह दे रहे हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय का कमरा नंबर 202 वो कमरा है जिसमें बैठने वाला मंत्री अगला चुनाव हार जाता है। इस कमरे में मंत्री बनने पर जगत प्रकाश नड्डा, आशा कुमारी, नरेंद्र बरागटा और सुधीर शर्मा भी बैठे है और ये सभी तत्कालीन मंत्री रहते हुए अगला चुनाव हार गए। गौरतलब है कि वर्ष 1998 से 2003 तक तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा इस कमरे में बैठे। नड्डा 2003 का चुनाव हार गए। फिर वीरभद्र सरकार में मंत्री रही आशा कुमारी 2007 का विधानसभा चुनाव हार गई। 2007 में प्रदेश में फिर धूमल सरकार बनी और नरेंद्र बरागटा कैबिनेट मंत्री बने और इसी कमरे में बैठे। बरागटा भी 2012 का चुनाव हार गए। इसके बाद वीरभद्र सरकार में शहरी विकास मंत्री रहे सुधीर शर्मा भी इस कमरे में बैठे और 2017 का विधानसभा चुनाव हार गए। वहीं इस बार जयराम सरकार में मंत्री रहे डॉ रामलाल मारकंडा चुनाव हारे है जो इसी कमरा नंबर 202 में बैठते थे। मारकंडा ने बताया था अंधविश्वास पूर्व मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडा की भी इस कमरे के ग्रहण से बच नहीं पाए है। लाहुल स्पीति से इस बार चुनाव लड़े मारकंडा को कांग्रेस के रवि ठाकुर ने 1616 वोट से शिकस्त दी है। 2017 में जब डॉ. रामलाल मारकंडा को मंत्री पद मिला और उन्हें कमरा नम्बर 202 अलॉट हुआ तो उन्होंने इसे अंधविश्वास ही बताया था। पर अब इसे अंधविश्वास कह लीजिये या फिर कुछ और, इस कमरे की परम्परा अब भी बरकरार है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधा हैं। नरेश चौहान ने पूर्व सीएम को सब्र रखने की हिदायद दी हैं। दरअसल जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर हेलीकाप्टर के दुरपयोग को लेकर निशाना साधा था। मुख्यमंत्री के प्रधान मिडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि हैलीकॉप्टर उड़ानों को लेकर उनकी चिंता अब दिखी है, अगर पांच वर्ष पहले उनके मन में ऐसे विचार आ जाते तो प्रदेश तथा यहां की जनता का ज्यादा भला होता। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के अवसर पर सरकारी हेलिकॉप्टर का कतई उपयोग नहीं किया गया और इस दौरान यह अनाडेल में ही रहा। इसके विपरीत अति-विशिष्ट व्यक्तियों के लिए निजी हेलिकॉप्टर का उपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में लगभग 25 हजार करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ने वाले पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय प्रबन्धन पर टिप्पणी करना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि सरकार के गठन को अभी एकसप्ताह भी नहीं हुआ है जयराम ठाकुर अभी संयम रखें। उन्होंने कहा कि आर्थिक संसाधनों को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू के नेतृृत्व में प्रदेश सरकार प्रभावी कदम उठाएगी, विपक्ष को इस बारे में चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
विनायक ठाकुर । जसवां-परागपुर जल शक्ति विभाग डाडासीबा के मात्र 100 मीटर दूरी पर ग्रामीणों को पानी न मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ा है। जल शक्ति विभाग जल जीवन मिशन के तहत लोगों को पानी की सुविधा देने में बड़े-बड़े वादे करता है, लेकिन डाडासीबा में सर्दियों के मौसम में भी लोगों को पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। डाडासीबा पंचायत के वार्ड-4 निवासी रत्नी देवी, ऊषा देवी, तृप्ता देवी, बबली कमल व विमला देवी ने बताया हम चार परिवारों को इन दिनों दूरदराज के क्षेत्रों से पेयजल लाकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। रत्नी देवी ने बताया पिछले 6 दिनों से नल में पानी नहीं आ रहा। दूर दराज क्षेत्रों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। इन परिवारों की मानें तो घरों में नल तो हैं, लेकिन पिछले में छह दिनों से पानी नहीं आ रहा। जलशक्ति विभाग से पेयजल की समस्या को देखते हुए यथाशीघ्र समाधान की गुहार लगाई है। इनकी मानें तो पहले भी विभाग को कई बार पेयजल समस्या के बारे में अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। बेशक जलशक्ति विभाग द्वारा बड़े-बड़े वाटर टैंक तो बना दिए गए हैं और बड़ी-बड़ी पेयजल लाइनें भी बिछाई गई हैं, परंतु फिर भी उन्हें पेयजल की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है।उधर, इस संबंध में जलशक्ति विभाग के कार्यवाहक सहायक अभियंता डाडासीबा संजीव राणा से बात की गई, तो उन्होंने बताया शीघ्र ही पेयजल की समस्या का हल किया जाएगा।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा पुलिस चौकी डाडासीबा के निकटवर्ती पंचायत नंगल चौक के वार्ड-6 में लुटेरो ने रमेश कुमार पुत्र बैसाखी राम के रिहायशी मकान के ताले तोड़कर लाखों गहनाें के चाेरी हाेने का मामला सामने आया है। चाेरी की घटना का पता चलते ही पीड़ित परिजनों ने इस बारदात की सूचना डाडासीबा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी तपतीश शुरु की है, पर लुटेरों का कोई अता-पता नहीं चल पाया है। लुटेरों ने इस बड़ी बारदात को उस समय अंजाम दिया है, जब घर के सभी लोग अपने किसी रिस्तेदार के घर शादी समारोह पर गए थे। पीड़ित रमेश कुमार ने बताया मेरे रिहासी मकान का ताला तोड़कर व कमरे में अलमारी का लॉकर तोड़कर एक सोने की नथ, एक सोने अगूंठी, एक चांदी की अंगूठी व 10 चांदी के गहने व नकदी पर हाथ साफ किया है। पीड़ित रमेश कुमार ने कहा कि बारदात के दौरान हम परिवार सहित बेटी के घर अंब में गए थे, वहां पर मेरी बेटी की लड़की की शादी थी और हम परिवार सहित शादी में शामिल होने गए थे, घर पर कोई नहीं था। जैसे ही हम घर पहुंचे, तो घर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारी का ताला तोड़कर चोर महंगा कीमती सामान पर हाथ साफ कर गए। यह जो भी गहनों की चोरी हुई है। मेरे बेटे की शादी के गहनों पर लुटेरों ने हाथ साफ किया है। इसमें हमारा लाखों का नुकसान हुआ है। मौके पर डाडासीबा पुलिस पहुंची थी। उधर, इस संबंध में पंचायत प्रधान अनीता कुमारी नंगल चौंक ने बताया चोरी होने की सूचना मुझे फोन द्वारा मिली थी। मैंने तुरंत डाडासीबा पुलिस चौकी को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर मामले की छानबीन कर रही। उधर, इस संबंध में डाडासीबा पुलिस चौकी के प्रभारी सुरजीत सिंह पटियाल से बात की गई, तो उन्होंने बताया मौका पर पुलिस गई थी मामले की छानबीन की जा रही है।
मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले राजीव राणा को असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (KKC) का हिमाचल इकाई का चेयरमैन बनाया गया है। इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ उदित राज ने उनकी यह नियुक्ति करते हुए प्रदेश और जिला कार्यकारिणी भंग कर दी हैं। राजीव राणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बेहद करीबी माने जाते हैं। वे पिछले लंबे समय से भोरंज विधानसभा क्षेत्र में अलग तरह की गतिविधियां करके कांग्रेस की मजबूती के लिए काम करते रहे हैं। वे इंटक के महासचिव भी रहे हैं। राजीव राणा हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य कामगार यूनियन इंटक के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। भोरंज के दलालड़ (जिजवीं) से ताल्लुक रखने वाले राजीव राणा ने वर्ष 2001 से कांग्रेस व इंटक में विभिन्न पदों पर पूरी सक्रियता से कार्य किया है। राणा प्रदेश में असंगठित क्षेत्र के समस्त मजदूरों की आवाज बनकर उनके हितों की लड़ाई लड़ते चले आ रहे हैं। कांग्रेस के भीतर राजीव उस समय काफी चर्चा में रहे थे, जब शिमला में पार्टी कार्यालय में कांग्रेस के दोनों धड़े पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर के सामने किसी बात पर भिड़ गए थे। उस विवाद का वीडियो उस समय काफी चर्चा में आया था। सुक्खू के समर्थन में उस समय उन्होंने जब नारे बुलंद किए थे, तब वरिष्ठ कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे। उन्हें चोटें भी आई थीं। तब से राजीव राणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबियों में शामिल हो गए।
नरेंद्र डाेगरा। जयसिंहपुर राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयसिंहपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यातिथि अश्विनी कुमार मुख्याध्यापक राजकीय उच्च विद्यालय हरोट ने की। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी हरीश भारद्वाज ने समस्त सदस्यों और अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर प स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य संजीव चोपड़ा ने अपने भाषण में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों से आह्वान किया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के मुख्य उद्देश्य को अपने जीवन में उतारना चाहिए। मुख्यातिथि अश्वनी कुमार ने कहा कि आप एक आदर्श समाज सेवक बनें और समाज की सेवा करने को हमेशा तत्पर रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में रामलाल, विनोद भारती, कुलदीप, देश राज, गुलशन वर्मा आदि उपस्थित रहे। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी हरीश भारद्वाज और महिला कार्यक्रम अधिकारी बब्लेश 7 दिनों की गतिविधियों को मुख्यातिथि के समक्ष प्रस्तुत किया इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने अनेक रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। मंच का संचालन हंसराज राणा ने किया। इस सात दिवसीय विशेष शिविर में हीर चंद मोहित, काजल, अक्षिता, राहुल, स्वाति, काजल, मोहित, कसीस, निखिल, करण, आयुष,स्वास्तिका, प्रयांश, नेहा, अंश, भानु व अर्पित आदि स्वयंसेबियों ने बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया। स्थानीय पाठशाला के अध्यापकों अनू सूद, स्वर्णा, स्वाति सोहनलाल मेहरा, पवन कुमार व विनोद शर्मा आदि का योगदान इस कैंप में सराहनीय रहा। यह जानकारी हमें कार्यक्रम अधिकारी हरीश भारद्वाज ने उपलब्ध करवाई।
तिलक राज। कांगड़ा कांगड़ा के मुख्य डाकघर के समीप आज सुबह एक मारुति कार में अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। कार चालक जब किसी काम से कहीं जा रहा था तो कांगड़ा के डागर के समीप अचानक कार में स्पार्किंग हुई तथा भयंकर आग लग गई। हालांकि कार चालक ने तुरंत चतुराई दिखाते हुए कार से बाहर निकल कर अपनी जान तो बचा ली, लेकिन कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पाया। पिछले 4 दिन में कांगड़ा में ही चलती कार को आग लगने की यह दूसरी घटना है।
विकासखण्ड इन्दौरा के अन्तर्गत पड़ते ग्राम पंचायत भोग्रवां के गाँव मलाल में युवक की करंट लगने से मौत हो गयी। जानकारी के मुताबिक युवक गेंहू को पानी लगाने गया था। इस दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। करंट लगने के तुरंत बाद युवक को सिविल हॉस्पिटल इंदौरा ले जाया गया, जहां पर उसे डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ इन्दौरा कुलदीप शर्मा ने बताया कि फोन के माध्यम से उन्हें इस घटना की जानकारी प्राप्त हुई। घटना की जानकरी मिलते ही पुलिस की टीम को तुरंत मौके पर भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नुरपुर भेज दिया है।
भारत पेट्रोलियम के माध्यम से ऊना शहर व आसपास के क्षेत्रों में गैस पाइप लाइन से गैस रसोई के लिए पहुंचाने का काम शुरू हो गया है, इससे जहां इंधन की बचत होगी, वहीं किफायती दाम पर यह गैस उपभोक्ता को मिल पाएगी। गुरुवार को रक्कड़ कॉलोनी स्थित दयाल होटल में भारत पेट्रोलियम के उत्तर क्षेत्र के रीजनल मैनेजर गौरव व उनकी टीम ने गैस पाइपलाइन से ईंधन पहुंचाने की शुरुआत की। अब दयाल होटल में गैस पाइप लाइन के माध्यम से पहुंचेगी। जो सस्ती भी होगी। भारत पेट्रोलियम की टीम में अनुपम श्रीवास्तव टेरिटरी मैनेजर, अमरबीर सिंह सहायक प्रबंधक, पवन जेतिक के आयुष, जेतिक प्रबंधक दयाल होटल उपस्थित रहे। इस दौरान गौरव ने बताया कि पाइप लाइन से गैस आने से प्रबंधकों की बचत होगी। उन्होंने दयाल होटल प्रबंधन को बधाई दी । वहीं दयाल होटल के प्रबंधक पवन जेतिक,आयुष जेतिक ने भारत पेट्रोलियम की टीम का आभार जताया और कहा कि यह प्रसन्नता का विषय है कि पाइप लाइन के माध्यम से गैस पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से यह सस्ती होगी और इसका लाभ मिलेगा।
बिलासपुर में वीरवार को एसीसी सीमेेंट कारखानों को कंपनी द्धारा अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद करने के बाद जहां ट्रक आपरेटरों के सामने संकट पैदा हो गया हैं। वहीं इससे एसीसी में काम करने वाले कर्मचारियों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा होे गया है। इसी गतिरोध को कम करने के उददेश्य से जिला मुख्यालय पर उपायुक्त पंकज राय की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिसमेें एसीसी के प्लांट हैड अभिताव सिंह व बीडीटीएस की ओर से प्रधान जीत राम गौतम, ध्यान सिंह ठाकुर व बालक राम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। लेकिन बैठक में किराए बढोतरी को लेकर बहरहाल दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बनी तथा 20 दिसंबर को फिर से उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में एसीसी सीमेंट प्रबंधन वर्ष 2005 में तय किराया छह रूपये प्रति विक्टल व बीडीटीएस प्रबंधन वर्तमान में मिल रहे किराया भाडा 11.40 पैसे पर अडा रहा। जिस कारण यह बैठक बेनतीजा रही। बैठक में मौजूद बीडीटीएस के प्रधान जीत राम गौतम व ध्यान सिंह ठाकुर ने कहा कि सीमेंट कारखाना प्रबंधन में जुलाई माह में किराया भाडा बढोतरी में 3.97 पैसे की बढोतरी की सहमति बनी थी। लेकिन यह बढोतरी आज तक नहीं मिली है। बल्कि अब एसीसी सीमेंट प्रबंधन वर्ष 2005 में तय किराया छह रूपये प्रति विक्टल के हिसाब से ढुलाई कार्य करने के लिए दवाब बनाने का प्रयास कर रहा है। जिससे ट्रक आपरेटरों के सामने आर्थिक संकट गहरा जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां पहले हर दिन 1200 -1300 गाडियों का डिस्पैच जाता था । वहां पर 300 गाडियों का डिस्पैच जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस बैठक में दोनों पक्षों से उपायुक्त ने सुझाव मांगे है। उधर, इस बैठक को लेकर उपायुक्त पंकज राय ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से एसीसी मेें पैदा हुए संकट को लेकर एसीसी सीमेंट प्रबंधन व बीडीटीएस प्रबंधन की बैठक सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन हुई। बैठक में बीडीटीएस ने कुछ समय मांगा है ताकि इस मुददे को साधारण अधिवेशन मेें रखा जाएगा। अब यह बैठक 20 दिसंबर को बुलाई गई है। उन्हें उम्मीद है कि बीस दिसंबर को बैठक में यह मसले हल हो जाएंगेे।
कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में रोड सेफ्टी क्लब द्वारा व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस मौके पर सहायक सब इंस्पैक्टर देश राज डोगरा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। उन्होंने छात्रों को रोड सेफ्टी के नियमों के बारे में जागरूक किया और बताया की सड़क पर वाहन चलाते समय हमें ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए ताकि आप और आपके साथ यात्रा कर रहे बाकी लोग भी सुरक्षित रहें। उन्होंने वाहन चलाते समय गति नियंत्रण, दोपहिया वाहन चलाने के लिए हैलमैट और चौपहिया वाहन चलाने के लिए सीट बैलट लगाने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि नशे का सेवन कर वाहन चलाना उनके व दूसरे के जीवन को खतरे में डाल सकता है। इस अवसर पर प्राचार्य डा० प्रदीप कुमार कौण्डल ने भी छात्रों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया तथा विद्यार्थियों से आहवान किया कि वह अपने जीवन में इन नियमों का पालन करें। कार्यक्रम का संचालन प्रो० ओंकार चन्द, प्रो० नविता और प्रो० खुशी राम भगत द्वारा किया गया।
सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कडियार गांव, डाकघर लगदेवी के राहुल कुमार सेना में लेफ्टिनेंट बने है। राहुल कुमार पुत्र कैप्टन राकेश कुमार के लेफ्टिनेंट बनने से क्षेत्र भर में ख़ुशी का माहौल है। इसी के चलते गुरुवार को लेफ्टिनेंट बनने की खुशी में राहुल कुमार के घर पर प्रीतिभोज का प्रबंध किया गया। इस मौके पर युवा लेफ्टिनेंट को बधाई देने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे भाजपा के प्रत्याशी कैप्टन रंजीत राणा उपस्थित हुए। उन्होंने राहुल कुमार के उज्जवल भविष्य की कामना की।
कुल्लू के पुलिस मैदान में 5 दिवसीय फुटबॉल कैम्प के पश्चात हिमाचल प्रदेश विश्विद्यालय की 16 सदस्यीय टीम इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए रवाना हुई। टीम अपना पहला नाकआउट मैच डी.ए. वी यूनिवर्सिटी जलन्धर के साथ खेलेगी। यह प्रतियोगिता 17 से 25 दिसम्बर तक जेएनए यूनिवर्सिटी फगवाड़ा में चलेगी। टीम में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से खिलाड़ी चयनित किए गए है। टीम कोच डॉ गौरव भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने एक सन्तुलित टीम का चयन किया है। उन्हें पूरी आशा है कि टीम प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और सभी नव-निर्वाचित विधायकों के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भेंट की। इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं हिमाचल प्रदेश के प्रभारी राजीव शुक्ला भी उपस्थित थे। मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्यमंत्री और सभी कांग्रेस विधायकों को विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज करने और राज्य में कांग्रेस को सत्तासीन होने पर बधाई दी। उन्होंने प्रतिभा सिंह, सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और सभी पार्टी नेताओं की कड़ी मेहनत की सराहना की। उन्होंने राजीव शुक्ला को चुनाव अभियान की निगरानी करने के लिए बधाई दी। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं से एकजुट होकर राज्य के लोगों के लिए काम करने और घोषणा-पत्र में किए गए सभी वायदों को अक्षरशः लागू करने के लिए कहा ताकि गरीब से गरीब व्यक्ति विकास कार्यों से लाभान्वित हो सके। राजीव शुक्ला ने सभी विधायकों का स्वागत करते हुए राज्य में कांग्रेस की सत्ता वापिसी पर बधाई दी। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को उनके मार्गदर्शन और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए राज्य सरकार मजबूती और स्थिरता से कार्य करेगी। वहीं मुख्यमंत्री ने पार्टी नेतृत्व को उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया जिसके फलस्वरूप चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत सुनिश्चित हुई है। उन्होंने कहा कि चुनाव जन कल्याण से संबंधित मुद्दों पर लड़े जाते हैं और कांग्रेस की विचारधारा का मुख्य केंद्रबिंदु जन कल्याण ही है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी नेताओं ने कड़ी मेहनत की और जन कल्याण की विचारधारा को जमीनी स्तर तक लोगों के बीच पहुंचाया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई सरकार किए गए वायदों को पूरा कर लोगों को बेहतर सेवा और शासन देने का पूरा प्रयास करेगी। इस दौरान उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का चुनावी अभियान में सहयोग प्रदान करने तथा उचित मार्गदर्शन कर जीत सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब नई सरकार प्रदेश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करेगी। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी विधायकों को उनकी जीत पर बधाई दी और विशेष तौर पर सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और राजीव शुक्ला का धन्यवाद किया जिन्होंने राज्य में कांग्रेस की जीत को संभव बनाया। उन्होंने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता ने प्रदेश में कांग्रेस की जीत के लिए कड़ी मेहनत की और यह गर्व की बात है कि पार्टी ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा।
पाइनग्रोव स्कूल की दो छात्राओं का चयन नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। बता दें कि 6 से 12 अक्तूबर तक आयोजित हुए 72वें बास्केटबॉल नेशनल कैम्प में सृष्टि चौहान ने भाग लिया था। इस कैंप का आयोजन हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला में हुआ थ। इसी कैम्प से प्रशिक्षण प्राप्त कर 14-18 अक्तूबर को बास्केटबॉल जूनियर नेशनल U-18 खेला गया, जिसमें सृष्टि चौहान का चयन नेशनल खेलने के लिए हुआ है। वहीं दूसरी ओर पाइनग्रोव स्कूल की अन्य छात्रा हरसिमरन कौर का चयन भी बास्केटबॉल यूथ नेशनल U-17 के लिए हुआ है। हरसिमरन कौर भी कांगड़ा जिला में U-17 बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। इस कैप्म के पश्चात हरसिमरन कौर मध्यप्रदेश के इंदौर में बास्केटबॉल यूथ नेशनल U-17 में हिमाचल प्रदेश की U-17 बास्केटबॉल टीम से नेशनल खेलेगी। पाइनग्रोव स्कूल के कार्यकारी निदेशक कैप्टन जय सिंह ने विद्यालय की दोनों छात्राओं को शुभकमनाएं दी है।
घुमारवीं से नव निर्वाचित विधायक राजेश धर्माणी ने जनता का आभार जताया है। इस दौरान प्रेस को जारी ब्यान में उन्होंने कहा कि वह लोगों के हितों के साथ किसी भी सूरत में खिलवाड़ नहीं होने देंगे। साथ उन्होंने एसीसी सीमेंट फैक्ट्री बरमाणा द्वारा काम बंद करने को लेकर कहा कि सीमेंट कंपनियों की मनमानी किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी। इस समस्या को जल्द सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने बताया किइस मुद्दे पर मुख्य मंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खू से मुलाकात की गयी है। साथ ही डीसी बिलासपुर से भी मामले को लेकर चर्चा कर जल्द समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गया है। उन्होने कहा कि मैं बिलासपुर की जनता के साथ हर कदम पर खड़ा हूँ। इनके हर हक की लड़ाई लड़ी जाएगी।
मंडी के पड्डल मैदान में 18 व 19 दिसम्बर को एकल अभियान द्वारा अभ्युदय खेल कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए एकल अभियान के संभाग अध्यक्ष सुभाष जरयाल ने बताया कि एकल अभियान समय समय पर अनेकों कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है। इसी क्रम में एकल अभियान द्वारा सम्भाग स्तरीय अभ्युदय खेल कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन मंडी के पड्डल मैदान में 18 व 19 दिसम्बर को करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में उत्तर हिमाचल संभाग के 20 अंचलों से अव्वल रहे 6 से 14 आयु वर्ष के 600 खिलाड़ी कबड्डी, दौड़, लम्बी कूद, ऊंची कूद व कुश्ती प्रतिस्पर्धा में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि सम्भाग में भी अव्वल रहने वाले खिलाड़ियों को लखनऊ में राष्ट्र स्तरीय खेलों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक शाखा कलरी द्वारा ग्राम पंचायत सेऊ के भदरोग गांव में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों के अलावा स्वयं सहायता समूह की सदस्यों ने भाग लिया। शिविर को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक विक्रांत शर्मा ने कहा कि स्वयं सहायता समूह बनाऐं व अपना बैंक खुद चलाऐं तथा बैंक से ऋण लेकर स्वरोजगार शुरू करें। इस दौरान उन्होंने बचत के महत्व तथा बैंक में बचत खाता खोलने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को एटीएम, गूगल पे, भीम ऐप, फोन पे, हिम पैसा, आदि भिन्न-भिन्न डिजिटल माध्यमों से लेन-देन करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विक्रांत शर्मा ने शिक्षा ऋण, मुख्यमंत्री संवलमबन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना व बैंक द्वारा भिन्न-भिन्न ऋण योजनाओं का लाभ अपनी आवश्यकता अनुसार होशियारी, समझदारी व जिम्मेदारी से बैंकों से ऋण लेकर स्वरोजगार शुरू करने का आह्वान किया। इस शिविर में स्थानीय शाखा से रजनीश कुमार व सुषमा कुमारी ने भाग लिया।
ग्रीन एनर्जी-क्लीन एनर्जी को बढ़ावा देने तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से की गई विशेष पहल को अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू कर दी गई है। जिला हमीरपुर में भी इस दिशा में तैयारियां शुरू की जा रही हैं। एडीसी जितेंद्र सांजटा ने वीरवार को हमीर भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में जिला में इलेक्ट्रिक वाहनों के अधिक से अधिक प्रयोग पर विशेष बल दिया जाएगा और इसकी शुरुआत सरकारी वाहनों से की जा सकती है। एडीसी ने कहा कि इसको देखते हुए जिला में हर सरकारी कार्यालय परिसर, पार्किंग स्थलों, पैट्रोल पंपों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर चार्जिंग स्टेशनों की आवश्यकता रहेगी। उन्होंने सभी कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने परिसरों में चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना के लिए स्थान चिह्नित करके इनकी सूची तुरंत उपायुक्त कार्यालय को प्रेषित करें। जितेंद्र सांजटा ने कहा कि सरकारी विश्राम गृहों, सार्वजनिक स्थानों, सडक़ किनारे खाली जमीन, होटल-रेस्तरां और ढाबों के आस-पास भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा सकते हैं। इसलिए संबंधित विभाग ऐसे संभावित स्थानों की सूची भी भेज सकते हैं। एडीसी ने बताया कि निजी होटल-रेस्तरां, ढाबों और अन्य प्रतिष्ठानों के मालिकों को चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। प्रदेश सरकार चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने में इनकी मदद करेगी और ये स्टेशन इन व्यवसायियों के लिए आय का साधन भी हो सकते हैं। चार्जिंग स्टेशनों के लिए अन्य संभावित स्थानों के संबंध में भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। इस अवसर पर सहायक आयुक्त पवन कुमार शर्मा, एसडीएम नादौन विजय कुमार, एसडीएम सुजानपुर डॉ. हरीश गज्जू, एसडीएम भोरंज स्वाति डोगरा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अंकुश शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी जसपाल सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
नूरपुर में नशे को जड़ से खत्म करने के लिए हिमाचल युवा शक्ति द्वारा विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है। इसके लिए हिमाचल युवा शक्ति द्वारा No More Drugs के नाम से एक टीम का गठन भी किया गया है। इस बात की जानकारी अंकुश शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि उनकी टीम नूरपुर में नशा मुक्ति अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि यह टीम नूरपुर से नशे को खत्म करने के लिए सरकर, पुलिस प्रशासन, कानून की हर संभव मदद करेगी। अंकुश शर्मा ने कहा कि टीम का हर एक मेंबर अपनी-अपनी पंचायत मे NMD पंचायत स्तर पर टीम गठित करेगा एवं नशे से संबंधित हर गतिविधि पर नज़र रखेगा।
जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के बालकरूपी में इंग्लिश व उर्दू में पीआईए लिखा बैलून देखा। सुबह करीब 8:30 बजे स्थानीय व्यक्ति द्वारा यह बैलून देखा गया। इस बैलून को देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस बात की जानकारी तुरंत स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस चौकी आलमपुर और ग्राम पंचायत के प्रधान संजीव चौधरी को दी गई। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुँच कर बैलून की जांच शुरू कर दी है। प्रधान संजीव चौधरी ने बताया कि एक विमान की तरह दिखने वाले खिलौने में पाकिस्तान के झंडे का साइन था।
चंबा युवा सेवाएं एवं खेल विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय दिव्यांग प्रतिभा खोज खेल का आयोजन बिलासपुर के कहलूर एथलेटिक स्टेडियम में 13 व 14 दिसम्बर को किया गया था। इस प्रतियोगिता में जिला चम्बा के चार पैरा स्पोर्ट्स खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें अजय कुमार ने 100 और 200 मीटर रेस में गोल्ड मेडल जीता। वही 400 मीटर की रेस में सिल्वर मेडल हासिल किया। योगराज ने 400 में गोल्ड और 100 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता, साहिल ने 200 मीटर में सिल्वर मेडल जीता। वही इंदु शर्मा ने 100 मीटर रेस में गोल्ड मेडल जीता। यह जानकारी जिला चंबा पैरास्पोर्ट्स के अध्यक्ष संजय अत्रि ने दी। उन्होंने बताया की जिला चंबा के लिए 7 मेडल आने से जिले में खुशी की लहर है। उन्होंने सभी खिलाडियों को बधाई दी और कहा कि ये बहुत बड़ी बात है की पहली बार चंबा के लिए एक साथ 7 मेडल आए है। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ वर्ग में सभी जिलों के मुकाबले चंबा तीसरे स्थान पर रहा है। अत्री ने कहा अब चंबा भी धीरे-धीरे खेल के क्षेत्र में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। आने वाले समय में अगर इन खिलाड़ियों को सरकार और प्रशासन की तरफ से एक अच्छा मंच और सुविधा दी जाए तो ये खिलाड़ी भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते है।
थाना इंदौरा के अंतर्गत तारा खड्ड में ब्यास नदी के नजदीक एक पोकलेन को पुलिस द्वारा अवैध खनन करते पकड़ा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी ने पुलिस थाना इंदौरा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि ब्यास नदी के नजदीक लगे एक स्टोन क्रशर की पोकलेन रोजाना ब्यास नदी में खनन कर रही है। जिससे उनकी उपजाऊ भूमि को नुकसान हो रहा है। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी इंदौरा कुलदीप शर्मा ने जाँच टीम मौके पर भेजा व पोकलेन को काबू कर 50 हज़ार रुपया का जुर्माना लगाया गया है। बताते चले कि इस क्रशर पर पहले भी अवैध खनन के कई मामले दर्ज हुए है, परन्तु कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले की पुष्टि पुलिस थाना प्रभारी इंदौरा कुलदीप शर्मा ने की है।
राजकीय महाविद्यालय दौलतपुर चौक में तीन दिवसीय हिमाचल प्रदेश विश्विद्यालय इंटर कालेज चेस प्रतियोगिता का विधिवत शुभारम्भ हुआ। इस प्रतियोगिता में बतौर मुख्यथिति ज्वाइंट डायरेक्टर इंडस्ट्री अंशुल धीमान ने शिरकत की। इस टूर्नामेंट में कुल 28 टीमें हिस्सा ले रही है, जिसमे लड़कों की 22 टीमें और लडकियों की 6 टीमें शामिल है। इस अवसर पर कालेज प्राचार्य डॉ रमन कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और खिलाडियों को खेल भावना से खेलने के लिये प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी शह-मात के खेल में भी सकरात्मक उर्जा के साथ खेलें। इस टूर्नामेंट के अवसर पर मुख्यतिथि अंशुल धीमान ने कहा कि आजकल युवा मोबाइल की तरफ ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं, इसीलिए छात्रों में खेलों की भावना को कायम रखने के लिए हर स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं।
कांगड़ा जिले की दिव्यांग छात्रा निकिता चौधरी हिमाचल प्रदेश में एमबीबीएस में प्रवेश लेने वाली पहली व्हीलचेयर यूज़र बन गई है। हाईकोर्ट के आदेश पर आखिरकार बुधवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा में उसे दाखिला दे दिया गया है । बता दें कि इसी मेडिकल कॉलेज ने पहले अपने नियमों का हवाला देते हुए उसे प्रवेश देने से इनकार कर दिया था। उमंग फाउंडेशन ने उसके साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और संघर्ष में उसका पूरा दिया। फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रो. अजय श्रीवास्तव ने बताया कि 12 नवंबर को हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति सबीना और न्यायमूर्ति सुशील कुकरेजा की खंडपीठ ने सरकार को आदेश दिए थे कि निकिता चौधरी को टांडा मेडिकल कॉलेज में तुरंत दाखिला दिया जाए। इसके बाद चिकित्सा शिक्षा निदेशक प्रो रजनीश पठानिया की अध्यक्षता में प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य की एक उच्चस्तरीय बैठक में हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन का निर्णय किया गया। गौरतलब है कि टांडा मेडिकल कॉलेज में दिव्यांग निकिता चौधरी को प्रवेश देने से इनकार करने के बाद एमबीबीएस की उसे आवंटित सीट हिमाचल के जनरल कोटे की शाम्भवी को दे दी थी। निकिता को सीट देने के लिए सीट आवंटन में काफी फेरबदल करना पड़ा। अब शाम्भवी को टांडा से लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, मंडी में उसके मूल आवंटित मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। इसी तरह मंडी से चक्षिता सिंह को हमीरपुर के डॉक्टर राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में और वहां से अंकिता को चंबा के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। प्रो.अजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश में दिव्यांगों एवं अन्य कमजोर वर्गों को संवेदनहीन सरकारी तंत्र से न्याय नहीं मिल पाता है। उनके लिए एकमात्र सहारा हाईकोर्ट ही बचा है।
जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार में अचानक गोली लगने से एक महिला घायल हो गई है। फायरिंग से निकले छर्रे के चलते महिला घायल हुई है। महिला का इलाज बंजार अस्पताल में किया जा रहा है। घटना की सुचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय अंजना नेगी पत्नी दीप नेगी गांव खाइण जिला कुल्लू छर्रे लगने से घायल हुई है। महिला ने पुलिस को बयान दिया कि यह धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए अपने मायके गांव तरगाली आई हुई थी। इस दौरान सुबह वह अपने मायके में छत पर बैठी धूप सेंक रही थी। उसके साथ भाई सुरेन्द्र संधू व भतीजा नवीन संधू भी थे। अंजना ने बताया कि उसी समय अचानक एक धमाके की आवाज सुनाई दी और उसे एकदम ऐसा लगा कि उसकी दाहिनी बाजू व टांगें सुन्न हो रही हैं। उसने भाई व भतीजा को इस बारे में बताया और अचानक इस दौरान कूल्हे, थाई व बाजू से अचानक खून बहने लगा। पूछताछ में पता चला कि किसी व्यक्ति ने फायरिंग की है, जिसके छर्रे आकर अंजना के शरीर में लगे हैं। वही, पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि फायरिंग पास वाले घर से हुई। जो घायल महिला के रिश्तेदार का ही घर है, लेकिन यह फायरिंग गलती से हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने बताया कि फायरिंग एक्सीडेंटल है। अब तक की पुलिस जांच में इस बात का पता चला है कि जिस मकान से यह फायरिंग हुई है, वह छर्रे लगने से घायल हुई महिला के रिश्तेदारों का ही घर है। बंजार पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई हैं।
शिमला के ऐतिहासिक आइस स्केटिंग रिंक में स्केटिंग का रोमांच शुरू हो गया है। एक लंबे इंतजार के बाद बुधवार को पहले सीजन का स्केटिंग सेशन हुआ। सुबह साढ़े आठ से दस बजे तक स्केटर्स ने बर्फ पर फिसलने का रोमांच का लिया। पहले दिन 16 लोग स्केटिंग करने पहुंचे। स्केटिंग के पहले दिन बच्चों व बड़ों में काफी उत्साह देखने को मिला। आइस स्केटिंग करने आए बच्चों का कहना था कि वे पूरे साल इस समय का इंतजार करते हैं। सर्दी के इस मौसम में उन्हें स्केटिंग करने में बहुत आनंद आता है। वे जमकर इन पलों का लुत्फ उठाते हैं। उन्होंने कहा कि वह कई वर्षों से स्केटिंग करते आ रहे हैं। आइस स्केटिंग क्लब के सचिव पंकज प्रभाकर ने बताया की पिछले साल 16 दिसंबर से स्केटिंग शुरू हुई थी। इस बार दो दिन पहले स्केटिंग की शुरुआत हुई है। इस बार 70 से 80 सेशन होने की उम्मीद है। पहले दिन कम बच्चे ही पहुंचे हैं। एक दिन पहले 16 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
नवनिर्वाचित विधायक सुरेश कुमार ने बुधवार को मिनी सचिवालय में प्रशासनिक और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की तथा उन्हें दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर सुरेश कुमार ने अधिकारियों से क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों के छोटे-छोटे कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार किया जाना चाहिए। बैठक में एसडीएम स्वाति डोगरा और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। इसके बाद विधायक ने भोरंज अस्पताल परिसर का निरीक्षण भी किया।
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार द्वारा लिए जा रहे निर्णयों पर बड़ा हमला बोला है। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार आते ही बदले की भावना से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन संस्थानों को पूर्व सरकार ने खोला था, उनको अगर वर्तमान सरकार ने बंद किया तो उसके लिए भाजपा सड़कों पर उतरेगी और जरूरत पड़ी तो न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार ने जनहित में निर्णय लिए हैं। कई संस्थान में पूरा प्रशासन बैठकर कार्य करने में भी जुट गया है, ऐसे में संस्थानों को बंद करना सही नहीं है। कांग्रेस पर कड़ा हमला बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जब वह सत्ता में थे तो कांग्रेस हेलीकॉप्टर का दुरुपयोग करने पर सवाल उठाती थी, लेकिन अब हिमाचल जैसे छोटे राज्य में मुख्यमंत्री के अलावा उपमख्यमंत्री बना दिया गया है, जिससे आर्थिक बोझ और अधिक बढ़ेगा। अब परिस्थिति यह हो चुकी है कि उपमुख्यमंत्री को छोड़ने के लिए हेलीकॉप्टर जाता है और उसके बाद दोबारा मुख्यमंत्री को लेने के लिए हेलीकॉप्टर वापस आ रहा है। अभी एक और उप मुख्यमंत्री की लडाई कांग्रेस में चल रही है। यदि ऐसा हुआ तो हेलिकॉप्टर तीन के लिए उड़ेगा। जिससे प्रदेश पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा।
हिमाचल प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद बड़े प्रशासनिक फेरबदल के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन इन सब पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि फिलहाल कोई भी प्रशासनिक फेरबदल नही होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि वे सता के लिए नही व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए है। अभी डीसी एसपी के तबादलो पर कोई विचार नही है और सभी डीसी एसपी को काम करने को कहा है। विधानसभा सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 28, से 30 दिसम्बर के बीच सेशन कराने की बात चली है, यदि नहीं हो पाया तो 15 जनवरी के बाद यह सत्र करवाया जाएगा। बता दें कि सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में पीएम से मिलने का टाइम मांगा गया है। उनसे शिष्टाचार भेंट करनी है। इसके अलावा कांग्रेस के नेताओ से मिलना है और मंत्रिमंडल विस्तार पर भी चर्चा होनी है। साथ ही उन्होंने कहा कि वे 16 दिसम्बर को कांग्रेस के 40 विधायकों व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष समेत भारत जोड़ों यात्रा में शमिल होंगे।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं व 12वीं टर्म-1 परीक्षा में नकल करने का दोषी पाए जाने पर 12 परीक्षार्थियों को एक साल तक परीक्षा देने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है। वहीं कुछ परीक्षार्थियों का संबंधित पेपर रद्द भी कर दिया है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की गई 10वीं व 12वीं टर्म-1 परीक्षा में 114 नकल के मामले पकड़े गए हैं। 8वीं का एक, 10वीं के 41 व 12वीं के 72 मामले हैं। नकल करते पकड़े गए इन परीक्षार्थियों को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने अपना पक्ष रखने का मौका भी प्रदान किया। नकल के मामलों की जांच के लिए बनाई गई कमेटी के समक्ष इन परीक्षार्थियों ने अपना पक्ष रखा। कुछ मामले दोषमुक्त हुए हैं जबकि कुछ मामलों में परीक्षार्थियों को सजा प्रदान की गई है। सत्र नवम्बर 2022 में 8वीं के नकल के एक मामले में परीक्षार्थी का संबंधित पेपर रद्द कर दिया गया है। 10वीं के 7 मामलों में परीक्षार्थी एक साल तक परीक्षा देने के लिए अयोग्य घोषित हो गए है। वहीं 32 मामलों में परीक्षार्थी का संबंधित पेपर रद्द हुआ है तथा 2 मामले दोषमुक्त हुए हैं। इसके अलावा 12वीं में 5 मामलों में परीक्षार्थी पेपर देने के लिए एक साल तक अयोग्य घोषित हुए हैं। इसके अलावा 12वीं में ही 67 नकल के मामलों में बोर्ड ने संबंधित पेपर रद्द कर दिया है। वहीं सत्र जून-2022 (डीएलएड सीईटी) एंट्रैंस में एक मामले में परीक्षार्थी का पेपर रद्द कर दिया गया है। सत्र मार्च 2022 दूसरे टर्म में दसवीं के 15 तथा 12वीं के 81 नकल के मामले में बोर्ड ने परीक्षार्थी का संबंधित पेपर रद्द किया है। वहीं 10वीं के एक मामले में परीक्षार्थी दोष मुक्त हुआ है। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव डाॅ. मधु चौधरी ने कहा कि 10वीं व 12वीं टर्म-1 परीक्षा में नकल करते कई परीक्षार्थी पकड़े गए थे। दोष साबित होने पर कुछ परीक्षार्थियों को एक साल तक परीक्षा देने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है। कुछ परीक्षार्थियों का संबंधित पेपर रद्द भी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए अग्र-सक्रिय कदम उठाने के साथ जनता का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए नवोन्मेषी विचारों के साथ विभागों की कार्यशैली सरल एवं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर चर्चा के उद्देश्य से आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में हरित ईधन को बड़े स्तर पर बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वाहनों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए राज्य सरकार विद्युत चलित वाहनों को प्रोत्साहन प्रदान करेगी। प्रदेश में महत्त्वपूर्ण स्थानों का चयन कर अधिकतम संख्या में चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे ताकि विद्युत चलित वाहन मालिकों को सुविधा प्राप्त हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रैफिक की बढ़ती समस्या का समाधान करने के लिए प्रदेश में रज्जुमार्ग (रोपवे) निर्मित करने और परिवहन के अन्य विकल्पों के उपयोग पर विशेष बल दिया जाएगा। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को एफसीए/एफआरए से संबधित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि सभी विकासात्मक परियोजनाएं समयबद्ध शुरू की जा सकें। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पशु पालन और कृषि विभाग को नवोन्मेषी विचारों के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि व दुग्ध आधारित आर्थिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को संबंधित विभाग के लिए ठोस योजना का खाका तैयार करने को कहा।
उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने धर्मशाला में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए उचित प्रबंधों और व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को उपायुक्त कार्यालय में जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा गंधर्वा राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्री सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रोहित राठौर, सहायक आयुक्त सुभाष गौतम, एसडीएम धर्मशाला शिल्पी बेक्टा सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष धर्मशाला में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तिथियां अभी निर्धारित नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र 20 दिसम्बर के बाद कभी भी होने की संभावना है। इसी के दृष्टिगत सभी विभाग विधानसभा सत्र के सफल संचालन हेतु अपनी जिम्मेदरियां सुनिश्चित कर समय से अपनी तैयारियां पूरी कर लें। बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम और विधानसभा सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के ठहरने, यातायात प्रबंधन, पेयजल एवं बिजली आपूर्ति, खानपान, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों को लेकर चर्चा की गई। डॉ. निपुण जिंदल ने सत्र के दौरान कानून व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू रूप से बनाये रखने के लिए समुचित प्रबन्ध करने को कहा। उन्होंने कहा कि सत्र में भाग लेने आने वाले अतिथियों के ठहरने और खाने इत्यादि भी उचित व्यवस्था की जाएगी। इस अवसर पर विधानसभा परिसर तथा इसके आसपास पार्किंग इत्यादि के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई।
हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में सुखविंदर सिंह सुक्खू व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जिला सोलन ट्रांसपोर्ट ट्रक ऑपरेटर कोऑपरेटिव सोसाइटी दाड़लाघाट (एसडीटीओ) के प्रधान जयदेव कौंडल, वरिष्ठ उपप्रधान नरेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष राम कृष्ण बंसल व अन्य कार्यकरणी सदस्यों ने बधाई दी है। उन्होंने नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू व उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित तौर पर इन दो शीर्ष नेताओं के कुशल नेतृत्व से प्रदेश के विकास को नए पंख लगेंगे। इस अवसर पर प्रधान जयदेव कौंडल, वरिष्ठ उपप्रधान नरेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष राम कृष्ण बंसल व अन्य कार्यकरणी सदस्यों ने अर्की विधानसभा क्षेत्र से विधायक संजय अवस्थी को दूसरी बार विधायक बनने पर बधाई दी है।
हिमाचल प्रदेश पेंशनर कल्याण संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भेंट की और प्रदेश की बागडोर संभालने पर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष संतराम शांडिल, जिला शिमला इकाई के अध्यक्ष बलबन कश्यप, कार्यालय सचिव रूप कौशल और कार्यालय के पदाधिकारी बेलीराम आजाद, जीवन ठाकुर तथा सुन्दर लाल सूर्यवंशी भी उपस्थित थे।
पंजीयन एवं अनुज्ञापन प्राधिकारी राजग़ढ़ यादविन्द्र पाॅल ने जानकारी देते हुए बताया कि हेलीपैड राजगढ़ में ड्राईविंग टैस्ट व वाहन पासिंग का कार्य 19 दिसंबर को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपमंडल राजगढ़ के इच्छुक अभ्यर्थी जो अपना लाईसैंस, रीटैस्ट एवं पासिंग इत्यादि करवाना चाहते हैं, वह इससे संबंधित फीस 18 दिसंबर से पहले ऑनलाइन या उनके कार्यालय में आकर जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर को कोई भी फीस जमा नहीं की जाएगी और फीस व अन्य संबंधित औपचारिकताएं पूर्ण किए बिना किसी को भी पासिंग व ड्राईविंग टैस्ट की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ज़िला रोजगार अधिकारी सोलन संदीप ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि मैसर्ज़ शिवालिक बाईमेटल कन्ट्रोल लिमिटेड, मैसर्ज़ वीप्रो एंटरप्राईज प्राईवेट लिमिटेड, मैसर्ज़ सिस्केम फार्मा लिमिटेड, मैसर्ज़ प्राॅक्टर एण्ड गैम्बल लिमिटेड, मैसर्ज़ ग्राईंडवेल नाॅर्टन लिमिटेड में अनेक प्रकार के 50 पदों हेतु कैम्पस इंटरव्यू 20 दिसम्बर को ज़िला रोजगार कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। संदीप ठाकुर ने बताया कि उपरोक्त पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक (बी.काॅम), बी.टेक मैकेनिकल, बी.फार्मा/बी.एस.सी केमिस्ट्री, आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक इलेक्ट्रॉनिक्स एण्ड टर्नर ट्रेड तथा निर्धारित अवधि का अनुभव तय किया गया है। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार 20 दिसम्बर को ज़िला रोजगार कार्यालय में प्रातः 10.00 बजे पहुंचकर कैम्पस इंटरव्यू में भाग ले सकते है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवार अधिक जानकारी के लिए 01792-227242, 70189-18595 व 78768-26291 पर सम्पर्क कर सकते है।
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक चंद्र कुमार को प्रोटेम स्पीकर बनाया गया है। चंद्र कुमार नव निर्वाचित सदस्यों को धर्मशाला में शपथ दिलाएंगे। विधानसभा का शीतकालीन सत्र धर्मशाला के तपोवन में होगा। चंद्र कुमार कांगड़ा जिला के जवाली विधानसभा क्षेत्र से छठी बार जीत कर आए हैं। चंद्र कुमार सबसे पहले 1982 में विधायक बने थे, जब ठाकुर रामलाल हिमाचल के मुख्यमंत्री होते थे। उसके बाद वह 1985, 1993, 1998 और 2003 में भी जीत कर आए तथा इसके बाद लोकसभा चले गए थे। बता दें कि जब नई विधानसभा गठित होती है तो विधानसभा में सबसे अधिक समय गुजारने वाले सदस्य या निर्वाचित सबसे वरिष्ठ सदस्य को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया जाता है। सत्तारूढ़ दल प्रोटेम स्पीकर का नाम राज्यपाल के पास भेजता है। इसके बाद प्रोटेम स्पीकर को नियुक्त किया हैं, जो नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाता है।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार की एनएसएस स्वयंसेविका निष्ठा ठाकुर व एनएसएस स्वंसेवक लक्ष्य पाल का पूर्व परेड प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन हुआ है I जानकारी देते हुए कार्यक्रम अधिकारी पूनम शर्मा ने बताया की विद्यालय से चार एनएसएस स्वयंसेवक निष्ठा, लक्ष्य, निखिल और अंकिता ने राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत राज्य सतरीय युवा नेतृत्व शिविर में भाग लिया जो कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दशेरा जिला उना में 9 दिसम्बर से 13 दिसम्बर तक आयोजित किया गया थाI इस शिविर में स्वयंसेवकों ने परेड व अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यकर्मो में भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों व परेड में बेहतरीन प्रदर्शन करने के चलते विद्यालय से दो एनएसएस स्वंसेवक निष्ठा ठाकुर व लक्ष्य पाल का चयन पूर्व परेड प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है जोकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी में 24 दिसम्बर से आयोजित किया जायेगाI इनके इस चयन के लिए विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने स्वयंसेवको व इनके अभिभावकों एवं एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा, प्रधानाचार्य पुर्शोतम लाल गुलेरिया को बधाई दी। साथ ही सभी अध्यापकों ने भी इन स्वयंसेवको को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है I
अठाराह ठकरेईयो और बारह ठकरेईयो के सबसे प्राचीन देवता चिखड़ेश्वर महाराज अठारह दिसंबर से धवाला यात्रा पर निकल रहे है। इस बार ये यात्रा पूरे इक्कीस दिन चलेगी और देवता महाराज के साथ हजारों लोग इस यात्रा में शामिल होंगे। ये यात्रा तीन साल बाद होती है और देवता महाराज अपनी पालकी में बैठ इस यात्रा को पूरा करते है। अठाराह दिसंबर को सुबह ग्यारह बजे देवता महाराज इस यात्रा के लिए अपनी मूल देवठी व उत्पत्ती स्थल चिखड़ से निकलेंगे और शाम को देवता जदराई की देवठी झगेड़ी पहुंचेगे। शाम को देवता झगेड़ी मे स्तिथ प्राचीन डीम में रुकेंगे। इसी तरह यह यात्रा 7 जनवरी तक चलेगी। आठ जनवरी को देवता महाराज की देवठी में विशाल भंडारा होग। जिस भंडारे में हजारों लोग भोग ग्रहण करेंगे। इसी दिन यात्रा का विधिवत समापन्न होगा।
जसवां-परागपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवम पूर्व कामगार कर्मचारी कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष सुरिंदर मनकोटिया ने चीन सीमा विवाद पर केन्देर की मोदी सरकार हो घेरा है। उन्होंने कहा कि चीन भारत के बड़े इलाके पर कब्जा कर चुका है, लेकिन मोदी सरकार इस सच्चाई को छिपा रही है और देश की जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेसी नेता ठाकुर सुरिंदर सिंह मनकोटिया ने कहा कि चीन सीमा की सच्चाई को लेकर सरकार गलत बयानबाजी कर रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संसद में स्वीकार करते हैं कि चीन की फौज ने भारतीय सीमा पर कब्जा कर रखा है, लेकिन गृहमंत्री अमित शाह कहते हैं कि चीन देश की एक इंच जमीन नहीं ले सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सर्वदलीय बैठक में कहते हैं कि चीन के कब्जे में भारत की कोई जमीन नहीं है, लेकिन सच्चाई सबके सामने थी कि चीन ने भारतीय जमीन पर कब्जा किया हुआ है। उन्होंने कहा कि गत नौ दिसंबर को चीन की सेना ने भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास किया, लेकिन हमारी सेना के वीर जवानों ने साहस और पूरी ताकत के साथ सीमा की सुरक्षा की। उन्होंने कांग्रेस पार्टी तथा देश की जनता की तरफ से जवानों का आभार जताया और कहा कि पूरा देश और कांग्रेस पार्टी सेना के साथ खड़ी है।
देहरा स्थित केंद्रीय विश्विद्यालय के एक प्रोफेसर पर कुछ दिन पूर्व यूनिवर्सिटी की छात्रा ने बालात्कार के आरोप लगाए थे। इसपर कार्रवाई करते हुए देहरा पुलिस ने उक्त प्रोफेसर को हिरासत में लिया है। बताते चलें कि केंद्रीय विश्विद्यालय की एक छात्रा ने अपने ही कॉलेज के प्रोफेसर पर दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। छात्रा ने इसकी शिकायत देहरा थाना में दर्ज करवाई थी, जिसपर देहरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उक्त प्रोफसर को हिरासत में ले लिया है। वहीं युवती का मेडिकल भी करवा दिया गया था। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज करके आगामी तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
हिमाचल की पूर्व जयराम सरकार में रहे उद्योग एवम परिवहन मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में जो प्रदेश की जनता ने जनमत दिया है, भाजपा उसे सम्मानपूर्वक स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने जो भाजपा को विपक्ष की भूमिका सौंपी है, भाजपा उसे बखूबी निभाएगी और जनहित के मुद्दों को सरकार के समक्ष उठाएगी। भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल की सता अब कांग्रेस पार्टी के पास है और भाजपा कांग्रेस पार्टी के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को बधाई और शुभकामनाएं देती है और आशवस्त करती है कि भारतीय जनता पार्टी एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार यदि हिमाचल और हिमाचल की जनता के विरुद्ध काम करेगी तो भाजपा उतनी ही मजबूती के साथ जनहित में विरोध भी करेगी। वहीं पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार का मुख्यमंत्री बनने के बाद पहले ही दिन लिए गए निर्णय जनविरोधी है, जनता के हितों पर कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल 2022 के बाद पिछली सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों की समीक्षा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार लगातार काम करती है, परन्तु इस तरह बदले की भावना से काम करना यह किसी भी सरकार को शोभा नहीं देता और उसमें भी आगे बढ़कर यह बात कहना कि इस दौरान जो नए संस्थान बने या जो संस्थान स्तरोन्नत हुए उन्हें रद्द करने के तुगलकी फरमान की भारतीय जनता पार्टी कड़ी निंदा करती है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि 5 वर्ष पूर्व भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में बनी थी और पहली ही कैबिनेट में जनहित के निर्णय लिए गए थे। 70 वर्ष से उपर के बुजुगों को आय सीमा को हटाकर सामाजिक सुरक्षा पेंशन लगाई गई। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने इस निर्णय पर विचार करे क्योंकि यह निर्णय प्रदेश की जनता के हित में नहीं है। उन्हें मौका मिला है प्रदेश की जनता की सेवा करने का इसलिए उन्हें प्रदेश जनहित में निर्णय लेने चाहिए ।
पुलिस थाना घुमारवीं के तहत कूलारू में राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक पर सवार होकर बिलासपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बिलासपुर की तरफ से आ रही एक कार से उनकी टक्कर हो गयी। इस टक्कर में दीपक पुत्र पवन निवासी गांव बणी भपराल व अजय पुत्र राजेश निवासी गांव नाल्टी कंदरौर गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक दीपक को हमीरपुर तथा अजय को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
हिमाचल प्रदेश में अभी मंत्री मंडल का विस्तार नहीं किया गया है। मंत्रिमंडल का गठन न होने तक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने सभी विभाग आपस में बांट लिए हैं। हिमाचल सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में मंगलवार देर रात को अधिसूचना जारी कर दी है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने पास वित्त, सामान्य प्रशासन, गृह, योजना और कार्मिक विभाग रखे हैं। जबकि उप मुख्य मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को जलशक्ति विभाग, परिवहन और भाषा कला एवं संस्कृति विभाग दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अपने पास पांच विभाग रखे हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री को तीन विभाग दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में ऐसा पहली बार हुआ है कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री को मंत्रियों से पहले पोर्टफोलियो दे दिए गए हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री की नियुक्ति के साथ ही मंत्रियों की नियुक्तियां हो जाती थी, उसके बाद ही विभाग बांटे जाते थे। गौतलब है कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के तीसरे दिन भी मंत्रियों पर फैसला नहीं हो पाया है। ऐसे में सरकारी कामकाज को चलाने के लिए दोनों को पोर्टफोलियो का आवंटन हो गया है।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा पुलिस चौकी डाडासीबा के तहत बलघार मोड़ पर एक राहगीर बोरी लेकर जा रहा था, तो पुलिस को देखकर घबरा गया, जब पुलिस ने बोरी को खोल कर देखा, तो बोरी के अंदर 7 बोतल देसी शराब थी। व्यक्ति कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस गश्त के दौरान शराब देसी मार्का संतरा बरामद की है। मामले की पुष्टि करते हुए डाडा सीबा चौकी प्रभारी सुरजीत सिंह पटियाल ने बताया की पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से तफ़्तीष कर रही है।
अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्वा राठौर ने की बैठक की अध्यक्षता पंकज सिंगटा। धर्मशाला मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा द्वारा आज (मंगलवार) काे डिस्टिक टास्क फोर्स की मीटिंग अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्वा राठौर की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय में हुई। इस मीटिंग में कोविड वैक्सीनेशन, रूटीन इम्यूनाइजेशन, आईपीवी फ्रेक्शनल डोज वैक्सीन की तीसरी डोज के बारे में मीजल्स रूबेला उन्मूलन के बारे मे विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि जिला कांगड़ा में आज तक 3279541 डोज काेराेना वैक्सीन की दी जा चुकी है तथा जिन जिन लोगों ने अपनी काेरो ना की वैक्सीन नहीं लगवाई है, उन व्यक्तियों से अनुरोध है कि वे अपनी डोज लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने आगे बताया की एनीमिया मुक्त हिमाचल अभियान में अब तक 6 महीने से 10 वर्ष तक के 73% बच्चों की जांच की जा चुकी है, जिसमें 44% बच्चे सामान्य श्रेणी में तथा 56% बच्चों में एनीमिया पाया गया तथा उनका इलाज सुनिश्चित किया गया। आगे जानकारी देते हुए जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ वंदना ने बताया कि अब नियमित टीकाकरण में जनवरी महीने से 9 महीने के बच्चों को फ्रेक्शनल आईपीवी की तीसरी डोज भी दी जाएगी, जो कि 9 महीने में एमआर वैक्सीन के साथ दी जाएगी। यह बच्चे को बाएं बाजू के ऊपरी भाग में दी जाएगी। इसलिए जनवरी महीने से जिस भी बच्चे को नौवें महीने में एम आर का टीका लगेगा, उसे साथ में आईपीवी की तीसरी डोज दी जाएगी। इसके साथ-साथ मीजल्स रूबेला उन्मूलन जिसका लक्ष्य 2023 तक हैं। इसके अंतर्गत 95% बच्चों को 2 साल तक की उम्र में मीजल्स रूबेला की दो डोजस सुनिश्चित करनी होगी। इसके साथ मीजल्स रूबेला आउटब्रेक कम से कम होनी चाहिए, ताकि 2023 तक हम इस लक्ष्य को प्राप्त कर सके। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच ने मीटिंग में आए हुए अधिकारियों तथा कर्मचारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि कोई भी बच्चा जिसे बुखार के साथ शरीर पर लाल दाने हो उसे तुरंत नजदीक के स्वास्थ्य संस्थान में भेजना होगा तथा हर बच्चे को नौवें महीने में मीजल्स रूबैल्ला वैक्सीन के साथ फ्रेक्शनल आईपीवी की डोज लगे। इसके लिए अपने-अपने स्तर पर लोगों तक यह संदेश भिजवाए, ताकि सरकार द्वारा शुरू किए गए इन कार्यक्रमों का लाभ सभी लोग उठा सकें। आखिर में अतिरिक्त उपायुक्त मैडम गंधर्वा राठौर ने यह आश्वासन दिया कि इन सभी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग को किसी प्रकार के प्रशासनिक सहयोग के लिए हमेशा तैयार हैं तथा उन्होंने महिला तथा बाल विकास विभाग शिक्षा विभाग को यह निर्देश दिए कि वे सभी बच्चों को फ्रेक्शनल आईपीवी की तीसरी डोस तथा सभी बच्चों का पूरा टीकाकरण सुनिश्चित हो इसके लिए अपने अपने स्तर पर काम करके इसे सुनिश्चित करें। इस मीटिंग में महिला एवं बाल विकास विभाग शिक्षा विभाग स्वयंसेवी संगठन तथा स्वास्थ्य विभाग के सभी जिला कार्यक्रम अधिकारी खंड शिक्षा अधिकारी तथा वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।


















































