ज़िला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति, दिशा की बैठक 15 मई को आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता शिमला लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप करेंगे। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त सोलन एवं ज़िला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक राहुल जैन ने दी। उन्होंने कहा कि यह बैठक उपायुक्त कार्यालय सोलन के बैठक कक्ष में आयोजित की जाएगी। बैठक प्रातः 11.00 बजे आरम्भ होगी।
सोलन विधानसभा काएक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मिला। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। वही उस दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, विधायक सुदर्शन बबलू, हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर उपस्थित थे।
मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक प्रेरक पहल के तहत, शूलिनी विश्वविद्यालय ने रेड क्रॉस सोसाइटी सोलन के सहयोग से "मानवता के पक्ष में" थीम के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में छात्रों, संकाय सदस्यों और सामुदायिक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो सभी एक ही उद्देश्य के लिए एकजुट थे - सहानुभूति, एकता और करुणा के लिए खड़े होना। इस रैली को आधिकारिक तौर पर सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने हरी झंडी दिखाई, जिन्होंने इस विचारशील पहल की सराहना की। अपने संबोधन में, उन्होंने आज की तेज-तर्रार, अक्सर विभाजित दुनिया में मानवीय मूल्यों की प्रासंगिकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं और समुदाय से अपने दैनिक जीवन में करुणा की भावना को बनाए रखने का आह्वान किया। जैसे-जैसे रैली सोलन के केंद्रीय क्षेत्रों से गुजरी, छात्रों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से जनता से संपर्क किया। उन्होंने शांति, समानता और हाशिए पर पड़े समुदायों के समर्थन की वकालत करने वाले संदेश वितरित किए। इस रैली का नेतृत्व शूलिनी विश्वविद्यालय से एसोसिएट डीन छात्र कल्याण (DSW) डॉ. नीरज गंडोत्रा ने अपनी टीम के साथ किया। यह रैली लोगों को दयालुता अपनाने, वंचितों का समर्थन करने और रोजमर्रा की जिंदगी में मानवता की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए डिज़ाइन की गई थी। रैली की शुरुआत सोलन के मॉल रोड से हुई, जहाँ प्रतिभागी बैनर और हाथ से बने प्लेकार्ड लेकर एकत्र हुए। उन्होंने पुराने डीसी कार्यालय से पुराने बस स्टैंड तक अपना मार्च शुरू किया, सार्थक बातचीत और दृश्य संदेशों के माध्यम से जागरूकता फैलाई। रैली के दौरान, प्रतिभागियों ने शक्तिशाली नारे लगाए जो सड़कों पर गूंजते रहे। प्लेकार्ड पर दिल से भरे संदेश लिखे थे जैसे कि "मदद करने वाले दिल से बड़ी कोई शक्ति नहीं है," यह याद दिलाता है कि वास्तविक समर्थन अक्सर निस्वार्थ भावना से उपजा है। अन्य पर लिखा था "मानवता के लिए, मानवता के साथ, मानवता के माध्यम से" और "एक साथ, हम दूसरों को ऊपर उठाकर बढ़ते हैं," इस विचार को पुष्ट करते हुए कि एकता और सहयोग सामूहिक विकास की ओर ले जाते हैं। प्रतिभागियों ने "एक मदद का कार्य, सौ मुस्कान" पंक्ति के साथ छोटे-छोटे कार्यों के मूल्य पर भी प्रकाश डाला और "रेड क्रॉस: आशा और मानवता का प्रतीक" प्रदर्शित करके सहयोग का सम्मान किया। कार्यक्रम का समापन पुराने बस स्टैंड पर हुआ, जहाँ एक संक्षिप्त समापन समारोह आयोजित किया गया। आयोजन समिति के सदस्यों ने भीड़ को संबोधित किया, सभी प्रतिभागियों को उनके समर्पण के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें मानवता का संदेश फैलाते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
16 मई को सोलन में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी विद्युत बोर्ड सोलन के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 16 मई को प्रातः 09.30 बजे से प्रातः 09.50 बजे तक तथा तदोपरांत दोपहर 02.00 बजे से दोपहर 02.20 बजे तक एम.ई.एस. क्षेत्र, अप्पर बाज़ार, मॉल रोड़, पुराना बस अड्डा से आई.टी.आई. गेट तक, टेलीफोन एक्सचेंज, पाण्डे हाउस, माईक्रोवेव, जवाहर पार्क, पी.डब्ल्यू.डी. कॉलोनी, बिन्दल कॉलोनी, लोअर बाज़ार, लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, बाण मोहल्ला आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि इसी दिन प्रातः 09.30 बजे से दोपहर 02.20 बजे तक नेगी कॉलोनी, आनन्द कॉम्पलेक्स कॉलोनी एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब व किन्हीं अपरिहार्य कारणों से उपरोक्त तिथि व समय में परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार टैक्सी ने भेड़पालक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में 12 भेड़-बकरियों की भी जान चली गई, जबकि दो बकरियां घायल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई। भेड़ और बकरी पालक नरोतम राम ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों जगत राम, हिरदू राम और मृतक महेन्द्र सिंह के साथ तीन दिन पहले काण्डी से कनयाल आए थे और पिछली रात पतलीकुहल के पास रुके थे। बुधवार सुबह करीब 2 बजे वे सभी अपनी बकरियों को लेकर पतलीकुहल से मनाली की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 4:30 बजे जब वे बिन्दु ढांक के पास व्राण में पहुंचे, तभी कुल्लू की तरफ से मनाली की ओर आ रही एक तेज रफ्तार टैक्सी (HP 01B 5001) ने पीछे से बकरियों को टक्कर मार दी और आगे चल रहे महेन्द्र सिंह को भी रौंद दिया। हादसे के बाद टैक्सी सड़क के बीच में रुक गई। इस दुर्घटना में मंडी जिले के टिहरी के काल्डी गांव के रहने वाले 37 वर्षीय महेन्द्र सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 12 भेड़-बकरियों ने भी दम तोड़ दिया। दो बकरियां घायल हैं। पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक ललित कुमार, जो कि मंडी जिले के व्लोह के गलू गांव का रहने वाला है, के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।
ज्वालामुखी: उपमंडल ज्वालामुखी की उप तहसील मझीण के गांव मैत्रेड निवासी 88 वर्षीय पूर्व सैनिक हवलदार मेहर सिंह का मंगलवार शाम आकस्मिक निधन हो गया। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के चेयरमैन (सेवानिवृत्त) कर्नल एम एस राणा ने बताया कि स्वर्गीय मेहर सिंह 18 वर्ष की आयु में मार्च 1957 में डोगरा रेजिमेंट में भर्ती हुए थे और 24 वर्ष की गौरवशाली सेवा के बाद वर्ष 1981 में सेवानिवृत्त हुए थे। अपने सेवाकाल के दौरान हवलदार मेहर सिंह ने देश के तीन प्रमुख युद्धों - 1962 के भारत-चीन युद्ध, 1965 के भारत-पाक युद्ध और 1971 के भारत-पाक युद्ध में सक्रिय रूप से भाग लिया था। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें थल सेनाध्यक्ष की ओर से कैप्टन सुखवीर सिंह राणा ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर सूबेदार मेजर माधो राम, नायब सूबेदार दिलबाग, हवलदार बलवंत, हवलदार ओंकार, हवलदार कुलदीप सहित क्षेत्र के अनेक व्यक्तियों ने उपस्थित होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
हमीरपुर/मीनाक्षी सोनी: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना के शौर्य और संकल्प की प्रशंसा करते हुए, प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व मीडिया चेयरमैन डॉ. चंदन राणा ने मोदी सरकार की विदेश नीति पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश एकजुट होकर सेना और सरकार के साथ खड़ा था, तब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मोदी सरकार की कूटनीतिक विफलता सामने आई। जारी प्रेस विज्ञप्ति में डॉ. राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले दस वर्षों में 75 देशों की यात्रा कर मजबूत अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक संबंध स्थापित करने का दावा किया था लेकिन युद्ध जैसी स्थिति में ये दावे खोखले साबित हुए। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में भारत के साथ केवल कुछ ही देश खड़े दिखे, जबकि जिन देशों की भारत ने सहायता की थी, वे भी पाकिस्तान के साथ नजर आए। राणा ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) द्वारा पाकिस्तान को 2.1 बिलियन डॉलर का ऋण दिए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि 9 मई को दिए गए इस ऋण पर अमेरिका सहित आईएमएफ के 191 सदस्य देशों में से कोई भी भारत के साथ खड़ा नहीं हुआ। युद्ध जैसी स्थिति में पाकिस्तान को इतनी बड़ी आर्थिक सहायता आईएमएफ की कार्यशैली और उसमें भारत की 2.75 प्रतिशत हिस्सेदारी पर भी संदेह उत्पन्न करती है। उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान को ऋण देने का समय और राशि, दोनों ही संदेह पैदा करते हैं। आशंका है कि इसका उपयोग अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता है, जो कि मोदी सरकार और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की विफल विदेश नीति को प्रमाणित करता है। डॉ. राणा ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए कूटनीतिक रूप से एक बड़ी विफलता है।
युवराज सिंगला ने देश के प्रसिद्ध पाइन ग्रोव स्कूल कसौली में 10वीं कक्षा में प्रथम स्थान किया प्राप्त
98 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर युवराज सिंगला ने किया टॉप युवराज सिंगला का मेडिकल क्षेत्र में विदेश जाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का लक्ष्य बी बी एन: देश की ख्याति प्राप्त फार्मा कंपनी क्योरटेक ग्रुप के सी.ई.ओ. सुमित सिंगला और रेशु सिंगला के पुत्र युवराज सिंगला ने मंगलवार को घोषित हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। युवराज ने सोलन जिले के कसौली स्थित देश के प्रतिष्ठित पाइन ग्रोव स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने इस परीक्षा में 98 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। महज 16 वर्ष की आयु में यह सफलता प्राप्त करने वाले युवराज सिंगला ने अपने भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि वह आगे चिकित्सा के क्षेत्र में शिक्षा ग्रहण करेंगे और इसके लिए विदेश जाकर उच्च अध्ययन करेंगे। उनकी इच्छा फार्मास्युटिकल सेक्टर में अनुसंधान कार्य करने की भी है। इस विशेष अवसर पर क्योरटेक ग्रुप के सी.ई.ओ. सुमित सिंगला ने पाइन ग्रोव स्कूल के डायरेक्टर ए.जे. सिंह और विद्यालय के समस्त शिक्षकगण की कर्तव्यनिष्ठा और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री सिंह और उनकी टीम के अथक प्रयासों का ही यह परिणाम है कि पाइन ग्रोव स्कूल आज पूरे देश में अग्रणी शिक्षण संस्थानों में अपनी पहचान बना चुका है। युवराज की इस शानदार सफलता से उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी माता श्रीमती रेशु सिंगला ने अपने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि युवराज का स्कूल में शीर्ष स्थान प्राप्त करना उनके पूरे परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। इस अवसर पर सिंगला परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
ममता भनोट/ऊना: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज 'ऑपरेशन सिंदूर' में घायल हुए हरोली विधानसभा क्षेत्र के दो वीर जवानों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने बाथू गांव निवासी बीएसएफ के उप निरीक्षक व्यास देव और छेत्रा गांव निवासी सिख रेजिमेंट के जवान गुरनाम सिंह उर्फ 'रोमी' के परिजनों से मुलाकात की। वर्तमान में दोनों ही जवान जम्मू के आर्मी हॉस्पिटल में अपना इलाज करवा रहे हैं। उप मुख्यमंत्री सबसे पहले बाथू गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ड्रोन हमले में गंभीर रूप से घायल हुए उप निरीक्षक व्यास देव की पत्नी परमजीत कौर से भेंट की। उन्होंने व्यास देव के अदम्य साहस को पूरे प्रदेश की ओर से नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश की रक्षा में अद्वितीय पराक्रम और शौर्य का परिचय दिया है। एक टांग गंवाने के बावजूद उनका हौसला पूरे राष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। इसके बाद उप मुख्यमंत्री छेत्रा गांव गए और सिख रेजिमेंट के घायल जवान गुरनाम सिंह के माता-पिता जोगिंदर सिंह व जगमोहन कौर तथा पत्नी गुरप्रीत कौर से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुरनाम सिंह जैसे वीरों का समर्पण ही देश की असली शक्ति है और प्रदेश हमेशा ऐसे वीरों का सम्मान करता रहेगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दोनों जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और प्रदेश सरकार की ओर से हर संभव सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई।इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, प्रमोद कुमार, सतीश बिट्टू, विनोद बिट्टू, पवन ठाकुर और बाथू ग्राम पंचायत की प्रधान सुरेखा राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
13 मई को सी.बी.एस.ई. द्वारा घोषित दसवीं एवं बारहवीं कक्षाओं के परीक्षा परिणामों में गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने पूरे वर्ष मिलकर इस उपलब्धि को संभव बनाया। बारहवीं कक्षा में शिवांग ठाकुर ने विज्ञान संकाय में 97% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। रजत कुमार ने मानविकी संकाय में 94.2% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान हासिल किया। वही सृष्टि नेगी ने मानविकी संकाय में 94% अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। उसी तरह दसवीं कक्षा में आदित्य प्रताप सिंह ने 95% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान ,हर्षवर्धन ने 94.4% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान और नियति रौंटा ने 94 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ० लखविंदर कौर अरोड़ा ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी और शिक्षकों की निःस्वार्थ मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों के अनुशासन, मेहनत और शिक्षकों के लगातार मार्गदर्शन का प्रतिफल है। हम सभी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ देते हैं।वही विद्यालय प्रबंधन समिति ने भी इस शानदार परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्या, शिक्षकों, अभिभावकों और विशेष रूप से मेहनती विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की मिसाल बन चुका है।
गरली के निकटवर्ती गांव सदवां में स्थित लोट्स इंटरनेशनल कॉन्वेंट स्कूल रक्कड़ ने इस वर्ष एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। स्कूल के 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों का सीबीएसई वार्षिक परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे स्कूल प्रशासन, छात्र और अभिभावक सभी गदगद हैं। इस साल 12वीं की परीक्षा में कुल 35 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से सभी ने सफलता प्राप्त की। विशेष उल्लेखनीय उपलब्धि यह रही कि 15 विद्यार्थियों ने 80% से अधिक अंक अर्जित किए। छात्रा निशिका सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 97% अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आँचल ने 96.2% अंक लेकर दूसरा स्थान और अदिति ने 89% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त कर स्कूल और क्षेत्र का नाम रोशन किया। स्कूल के प्रबंध निदेशक अश्वनी कुमार, सचिव गुरपाल सिंह पठानिया तथा प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को इस उत्कृष्ट परिणाम के लिए बधाई दी। उन्होंने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का सामूहिक परिणाम है।
डी.ए.वी. देहरा के छात्रों का सीबीएसई परीक्षा में शानदार प्रदर्शन, 100% परिणाम से क्षेत्र का नाम रोशन
13 मई 2025 को घोषित सीबीएसई कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, देहरा के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी मेधा और विद्यालय की शिक्षण गुणवत्ता का प्रमाण दिया है। कक्षा 12वीं में कुल 71 छात्रों ने परीक्षा दी, और सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। इनमें से 10 छात्रों ने 90% से अधिक अंक अर्जित किए, जबकि 18 छात्रों ने 80% से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया। स्नेहा ने 95.4% अंकों के साथ टॉप किया, वहीं शैवी और कार्तिकेयन शर्मा ने 92.8%, विवान मोदगिल और आशिम राणा ने 91.8%, और अन्य छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 10वीं में भी विद्यालय का परिणाम 100% रहा। इस वर्ग के 107 छात्रों में से 12 ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, और 36 छात्रों ने 80% से अधिक अंकों के साथ सफलता हासिल की। रीत ने 96.4% अंकों के साथ कक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि पारस, रिधिमा, प्राची, शाश्वत, उज्ज्वल, रिजुल, मोक्षी, प्रिशा, अथर्व और रागिनी ने भी उत्कृष्ट अंक अर्जित किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा ने सभी छात्रों को बधाई दी और उनकी इस उपलब्धि को शिक्षकों की मेहनत, छात्रों की लगन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए छात्रों को प्रोत्साहित किया और डी.ए.वी. परिवार को इस सफलता के लिए शुभका
कुनिहार: सीबीएसई द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में द एसवीएन स्कूल बडोर घाटी कुनिहार के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस वर्ष, स्कूल ने न केवल शत प्रतिशत परिणाम दिया बल्कि छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय और इलाके का नाम रोशन किया। स्कूल के 24 विद्यार्थियों ने इस वार्षिक परीक्षा में भाग लिया, जिसमें अधिकांश छात्रों ने प्रथम और द्वितीय श्रेणी में सफलता प्राप्त की। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अतुल शर्मा ने 95.4 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में पहला स्थान प्राप्त किया और गणित में 100 में से 100 अंक तथा समाजिक विज्ञान में 99 अंक हासिल किए। यशिका ने 94.7 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि तनिष्क अरोड़ा ने 87 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। कनिष्क शर्मा ने 85.14 प्रतिशत अंक लेकर चौथा और तनवी जुनेजा ने 80.8 प्रतिशत अंक लेकर विद्यालय में पांचवां स्थान प्राप्त किया। इस सफलता पर अतुल शर्मा ने कहा कि इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और द एसवीएन परिवार को दिया। स्कूल के चेयरमैन टीसी गर्ग और निदेशक लुपिन गर्ग ने सभी छात्रों, उनके अभिभावकों और स्कूल के अध्यापकों को बधाई दी। प्रधानाचार्या शिमी और पीटीए अध्यक्ष मदन कपूर ने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सफलता की ऊँचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा दी।
जयसिंहपुर(नरेंद्र डोगरा): भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष शिवा कटोच ने कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत सरकार और भारतीय सेना की निर्णायक कार्रवाई "ऑपरेशन सिंदूर" की सराहना की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों का हाथ इस कायराना हमले के पीछे स्पष्ट है। भारत ने इस हमले का जवाब देने के लिए ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान की सीमा के भीतर घुसकर 500 किलोमीटर तक गहराई में स्थित 9 प्रमुख आतंकी प्रशिक्षण शिविरों को नष्ट किया। यह कार्रवाई भारतीय सेना की रणनीतिक क्षमता और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व का प्रमाण है। शिवा कटोच ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 मई के राष्ट्र संबोधन का हवाला देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान को स्पष्ट चेतावनी दी कि भारत अब किसी भी प्रकार के न्यूक्लियर ब्लैकमेल को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय सेना, वायुसेना, नौसेना, बीएसएफ और अर्धसैनिक बल पूरी तरह से सतर्क हैं। इसके अलावा, शिवा कटोच ने जानकारी दी कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा 13 मई से 23 मई तक 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति का संदेश फैलाना और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता तथा भारत की सुरक्षा प्रतिबद्धता को जन-जन तक पहुँचाना है। यह यात्रा न्यूट्रल बैनर के तहत आयोजित की जाएगी, जिसमें सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मंडी: अभिलाषी एजुकेशनल ग्रुप, मंडी को एक और बड़ी सफलता मिली है। समूह के कुल 11 होनहार छात्रों का चयन देश की प्रतिष्ठित फार्मास्युटिकल कंपनी टोरेंट फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड में हुआ है। यह चयन हाल ही में आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से किया गया, जिससे छात्रों को अपने करियर को नई दिशा देने का बेहतरीन अवसर प्राप्त हुआ है। इस चयन प्रक्रिया में अभिलाषी विश्वविद्यालय, अभिलाषी कॉलेज ऑफ फार्मेसी (नेरचौक) और अभिलाषी पी.जी. इंस्टीट्यूट ऑफ साइंसेज के अंतिम वर्ष के छात्रों ने भाग लिया। प्रतिभागियों का चयन तकनीकी मूल्यांकन और साक्षात्कार जैसे कई चरणों के बाद हुआ, जिसमें उन्होंने अपनी विशेषज्ञता, योग्यता और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। टोरेंट फार्मा में चयनित छात्रों की सूची: अभिलाषी विश्वविद्यालय (बी.फार्मा): तनिषा, ज्योति ठाकुर, कोमल शर्मा, गौरव कुमार, रोहित कुमार, तूपेंद्र ठाकुर, आशीष कुमार अभिलाषी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, नेरचौक (बी.फार्मा): पायल, देवांशी सलवानी अभिलाषी पी.जी. इंस्टीट्यूट ऑफ साइंसेज (एम.एससी. केमिस्ट्री): राकेश कुमार, अजय कुमार इन सभी छात्रों को क्वालिटी कंट्रोल विभाग में नियुक्त किया गया है और उन्हें वार्षिक 2 से 3 लाख रुपये तक का पैकेज प्रदान किया गया है। इस शानदार उपलब्धि पर अभिलाषी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आर.के. अभिलाषी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि टोरेंट जैसी प्रतिष्ठित फार्मा कंपनी में हमारे छात्रों का चयन अत्यंत गर्व का विषय है। यह न केवल छात्रों की मेहनत और समर्पण का फल है, बल्कि हमारे संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का भी साक्ष्य है। मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. एल.के. अभिलाषी ने चयनित छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर उनके पेशेवर जीवन की मजबूत शुरुआत साबित होगा। कुलपति प्रो. एच.के. चौधरी ने कहा कि विश्वविद्यालय में कैंपस प्लेसमेंट की श्रृंखला लगातार जारी है और प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा छात्रों को रोजगार के उत्कृष्ट अवसर दिए जा रहे हैं। डॉ. शैम्पी दुग्गल (डायरेक्टर – एडमिशन, ट्रेनिंग व प्लेसमेंट) ने विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह सफलता अभिलाषी ग्रुप की इंडस्ट्री-फोकस्ड ट्रेनिंग, छात्रों की मेहनत और संकाय के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में ग्रुप के 150 से अधिक अंतिम वर्ष के छात्रों को विभिन्न नामी कंपनियों में नौकरी मिली है। इस अवसर पर डॉ. आर.के. अभिलाषी (चेयरमैन), डॉ. एल.के. अभिलाषी (मैनेजिंग डायरेक्टर), प्रो. एच.के. चौधरी (वाइस चांसलर), डॉ. कपिल कपूर (रजिस्ट्रार), डॉ. नर्वदा अभिलाषी (चेयरपर्सन, जीनीयस एजुकेशन सोसाइटी), डॉ. प्रोमिला अभिलाषी (वाइस चेयरपर्सन), नरेंद्र कुमार (सचिव), प्रो. डी.पी. दहिया (डीन, फार्मेसी), प्रो. राजेंद्र गुलेरिया (प्रिंसिपल, कॉलेज ऑफ फार्मेसी) और डॉ. कंचन ने सभी चयनित छात्रों, उनके अभिभावकों, संबंधित विभागों व प्लेसमेंट सेल को हार्दिक बधाई दी।
7 मई को सोलन में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड सोलन से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवश्यक रखरखाव के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी बोर्ड के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। राहुल वर्मा ने कहा कि 17 मई, 2025 को प्रातः 09.00 बजे से सांय 06.00 बजे तक कण्डाघाट, डोलग, परोथा, डेढ़घराट, शन्हेच, टिक्कर, माही, सिरीनगर, हाथो, पलेच, शलुमणा, हिमुडा, वाकनाघाट, छावशा, डुमैहर, कोट, क्वारग, कोठी, बाहरा, आंजी ब्रहमणा, सैंज, गोग, कैथलीघाट, शालाघाट, क्यारी बंगला, बीशा, बाशा, सुरो, जे.पी. विश्वविद्यालय, चायल, दोची, मिलिट्री स्कूल, जीतनगर, आलमपुर, भलावग, हिन्नर, कुरगल, मिहानी, बिन्नू, डुबलु, नगाली तथा आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि खराब मौसम एवं किन्ही अपरिहार्य कारणों से उपरोक्त तिथि व समय पर परिवर्तन किया जा सकता है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
HPMRA ( HIMACHAL PRADESH MEDICAL REPRESENTATIVE ASSOCIATION) सोलन इकाई का वार्षिक अधिवेशन सोलन में संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में लगभग 30 के करीब सदस्यों ने हिस्सा लिया तथा स्थानीय इकाई प्रधान विनोद धांटा की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण विषयों और समस्याओं पर चर्चा हुई। इस दौरान केंद्र सरकार द्वारा श्रम कानून में बदलाव, लेबर लॉ को समाप्त करना, हड़ताल में जाने पर पाबंदी तथा यूनियन बनने पर पाबंदी सहित कई विषयों पर विचार विमर्श किया। इसके अलावा 20 मई को विभिन्न ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर हड़ताल पर जाने का निर्णय भी लिया गया। इस अधिवेशन में पर्यवेक्षक बतौर राज्य प्रधान COM हुकुम शर्मा विशेष तौर पर उपस्थित रहे। बैठक में 13 सदस्रीय कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। इसमें प्रधान विनोद धनटा तथा विकास बरारी को सचिव निर्वाचित किया गया। वहीं वाईस प्रेजिडेंट के तौर पर अर्जुन ठाकुर, सेक्रेटरी विकास बरारी, जॉइंट सेक्रेटरी प्रवीण शर्मा, ट्रेझर धर्मेंद्र जबकि सदस्यों में संजीव शारदा. सतीश ठाकुर, ललित सिंह, सुभाष और गौरव को चुना गया।
अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में, शूलिनी विश्वविद्यालय ने रॉयल होलोवे, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन (आरएचयूएल), यूके के एक प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया, जिसने बिजनेस मैनेजमेंट में 1+1 मास्टर प्रगति कार्यक्रम के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एमओए पर रॉयल होलोवे, यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन (आरएचयूएल), यूके के प्रोवोस्ट और प्रो-वाइस-चांसलर (ग्लोबल) प्रोफेसर ट्रेसी भामरा और शूलिनी विश्वविद्यालय के चांसलर प्रोफेसर पी.के. खोसला के बीच हस्ताक्षर किए गए। एमओए को आरएचयूएल में ग्लोबल पार्टनरशिप और बिजनेस डेवलपमेंट के प्रमुख स्टीफन थॉमस ने शूलिनी विश्वविद्यालय के अपने कैंपस दौरे के दौरान प्रस्तुत किया। संपूर्ण यात्रा और समझौते पर हस्ताक्षर का समन्वय शूलिनी विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय मामलों के कार्यालय (ओआईए) द्वारा किया गया। एक दिवसीय यात्रा के दौरान, थॉमस ने विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और इकोलॉजिकल पार्क, वर्धमान इंडस्ट्री-एकेडमिया लैब, नैनो टेक्नोलॉजी लैब, PURSE लैब और आईपीआर सेल सहित प्रमुख शोध सुविधाओं का दौरा किया। यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में एमओए पर हस्ताक्षर करना था, जो शूलिनी के छात्रों को भारत में अपने मास्टर प्रोग्राम के पहले वर्ष और यूके में रॉयल होलोवे में दूसरे वर्ष की पढ़ाई करने में सक्षम बनाएगा। यह 1+1 मास्टर प्रोग्राम छात्रों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन और यूके के शीर्ष विश्वविद्यालयों में से एक से विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त डिग्री प्रदान करता है। सहयोग के बारे में बोलते हुए, अंतर्राष्ट्रीय मामलों के कार्यालय की उप निदेशक डॉ. रोज़ी धान्ता ने कहा, हम अपने छात्रों को वैश्विक सीखने के अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं इस यात्रा में कुलाधिपति और उपकुलपति के साथ बातचीत भी शामिल थी, तथा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ इसका समापन हुआ, जो वैश्विक शैक्षिक सहयोग में एक नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीक था।
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में सरकारी राशन की गुणवत्ता पर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। उपमंडल सुजानपुर के चमियाना पंचायत में एक महिला के घर में चने की दाल के एक सीलबंद पैकेट के अंदर एक मरा हुआ चूहा मिला है जिसका वीडियो अब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में, चमियाना पंचायत के वार्ड नंबर तीन की निवासी पिंकी देवी नामक महिला दावा कर रही है कि उसने यह दाल का पैकेट सरकारी डिपो से खरीदा था। महिला के अनुसार, जब वह खाना बनाने के लिए दाल का पैकेट खोल रही थी, तो उसके अंदर एक मृत चूहा देखकर वह सन्न रह गई। वीडियो में अन्य महिलाएं भी दिखाई दे रही हैं, जो इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त कर रही हैं। वे प्रदेश सरकार को कोसते हुए कह रही हैं कि इस प्रकार की दूषित दाल लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। एक अन्य महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दाल के कुछ दाने खाने के बाद उसे उल्टियां हुईं। महिलाओं ने बताया कि यह दाल का पैकेट पिछले महीने ही सरकारी डिपो से खरीदा गया था। इस घटना के बाद महिलाएं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा दिए जा रहे राशन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठा रही हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से पुरजोर आग्रह किया है कि लोगों को उचित गुणवत्ता वाला राशन उपलब्ध करवाया जाए और इस मामले में नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता का स्वास्थ्य सुरक्षित रहे। उधर, नागरिक आपूर्ति विभाग, हमीरपुर के एरिया मैनेजर संजीव वर्मा ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अभी तक ऐसी कोई वीडियो या शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कोई शिकायत मिलती है, तो विभाग तुरंत कार्रवाई करेगा और दाल का सैंपल लेकर आगे की जांच की जाएगी।
कसौली (हेमेंदे कँवर): कसौली के कुठाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बढलग के कायल मंझली गांव में रविवार रात एक दुखद हादसा सामने आया। भाट की हट्टी-रामपुर कुठाड़ सड़क चौड़ीकरण कार्य में कार्यरत एक टिप्पर चालक की छत से गिरने के कारण मौत हो गई। मृतक की पहचान नरेंद्र सिंह (43) पुत्र रणजीत सिंह, निवासी गांव कोठा कणोंन, डाकघर गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग एक वर्ष से ठेकेदार के अधीन टिप्पर चालक के तौर पर काम कर रहा था और कायल मंझली गांव में कर्ण वर्मा के मकान में किराए पर अपने साथियों के साथ रह रहा था। जानकारी के अनुसार, रविवार रात नरेंद्र सिंह दो मंजिला मकान की छत पर सोया हुआ था। अचानक तेज बारिश और हवा चलने के कारण जब वह उठा, तो उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे सड़क पर जा गिरा। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह करीब छह बजे जब उसके साथियों और अन्य ग्रामीणों ने उसे अचेत अवस्था में देखा, तो उन्होंने तुरंत पंचायत प्रधान सतीश कुमार को सूचित किया। प्रधान ने तत्काल कुठाड़ पुलिस को दूरभाष के माध्यम से घटना की जानकारी दी। हादसे की सूचना मिलते ही कुठाड़, कसौली और परवाणु से डीएसपी ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले की छानबीन की। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की। डीएसपी परवाणु मेहर पंवार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोलन भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। इस बीच, उप तहसील कृष्णगढ़ के नायब तहसीलदार सूरत सिंह ने बताया कि स्थानीय प्रशासन की ओर से पटवारी और कानूनगो को मौके पर भेजा गया है। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक के भाई राजेंद्र सिंह को पंचायत प्रधान की उपस्थिति में 20 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की है।
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बाद सोमवार को प्रदेश का भुंतर व गगल हवाई अड्डा सीजफायर के बाद नागरिक उड़ानों के लिए खुल गया है। वहीं शिमला हवाई अड्डे पर मंगलवार से उड़ानें शुरू होंगी। सोमवार को दिल्ली-भुंतर सहित अन्य उड़ानें नहीं हो पाईं। लेकिन मंगलवार से यहां के लिए हवाई सेवा सुचारू रूप से होने की उम्मीद है। इसे कुल्लू घाटी के पर्यटन सीजन को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं गगल हवाई अड्डा भी नागरिक उड़ानों के लिए खुल गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण सिविल हवाई अड्डा गगल के निदेशक धीरेंद्र सिंह ने हवाई उड़ानें शुरू होने की पुष्टि की है। तनावपूर्ण स्थिति और सीमा पर गोलाबारी के कारण गगल एयरपोर्ट को नागरिक उड़ानों के लिए बंद किया गया था।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में चोरी की घटना सामने आई है। इस चोरी में करीब 5 लाख रुपये की नकदी गायब हो गई है। इस वारदात को दुकान के ही एक कर्मचारी ने अंजाम दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुकान की कैशियर ममता देवी ने इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 10 मई को दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर चली गई थीं। अगले दिन, उन्हें दुकान की मालकिन मंजू सूद का फोन आया, जिन्होंने दुकान से कैश बॉक्स चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद ममता देवी ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और छानबीन शुरू कर दी। जब पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जाँच की, तो चोरी का राज खुल गया। सीसीटीवी फुटेज में दुकान में काम करने वाले योगराज नामक कर्मचारी को ही कैश बॉक्स चुराते हुए स्पष्ट रूप से देखा गया। फिलहाल, पुलिस आरोपी योगराज की तलाश में जुट गई है।
जिला सोलन पुलिस ने नशे के कारोबार में लगातार लिप्त रहने वाले कुख्यात तस्करों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने प्रिवेंटिव डिटेंशन (निवारक हिरासत) के तहत कार्रवाई करते हुए एक आदतन नशा तस्कर को जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई PIT NDPS Act 1988 के प्रावधानों के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य ऐसे अपराधियों को जमानत पर बाहर आकर फिर से नशा तस्करी में शामिल होने से रोकना है। पुलिस थाना कंडाघाट की टीम ने इस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए नीरज शर्मा पुत्र तारा दत्त, निवासी शिमला और हाल निवासी वाकनाघाट, सोलन को धारा 3(1) PIT NDPS Act 1988 के अंतर्गत हिरासत में लिया और उसे 03 महीने के लिए जेल भेज दिया गया है। 38 वर्षीय नीरज शर्मा मादक पदार्थों की तस्करी का एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 04 मामले दर्ज हैं। इनमें से 03 मामले पुलिस थाना कंडाघाट में और 01 मामला जिला शिमला के बालूगंज में दर्ज है, जिनमें 1 किलोग्राम से ज़्यादा चरस और 8 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। आरोपी नीरज शर्मा इन मामलों में माननीय न्यायालयों से जमानत पर था, लेकिन इसके बावजूद वह नशा तस्करी में लगातार सक्रिय था और बार-बार पकड़े जाने के बाद भी जमानत पर रिहा होकर फिर से इसी धंधे में लग जाता था। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी को रोकने के लिए आदतन अपराधियों की निवारक हिरासत की प्रक्रिया भविष्य में भी जारी रहेगी। जिला सोलन पुलिस नशे के खात्मे के लिए एक व्यापक अभियान चला रही है, जिसके तहत नशा तस्करी के सभी पहलुओं पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में मादक पदार्थों की सप्लाई और डिमांड दोनों तरफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने बाहरी राज्यों से नशा तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोहों को चलाने वाले 134 तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके 56 अंतरराज्यीय नेटवर्कों को तोड़ा है। इसके अलावा, जिला पुलिस ने पहली बार तस्करों की नशे से अर्जित 5 करोड़ 50 लाख रुपये से ज़्यादा की संपत्तियां भी जब्त की हैं।
आम आदमी पार्टी पर्यटन विंग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रवक्ता विकास धीमान ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के कांगड़ा में कार्यालय की स्थापना का जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने इसे न केवल एक प्रशासनिक निर्णय, बल्कि हिमाचल के पर्यटन विकास के एक नए युग की शुरुआत करार दिया है। विकास धीमान ने कहा कि धर्मशाला, जो भौगोलिक रूप से एक बड़ा और खुला क्षेत्र है, बड़े सरकारी कार्यालयों, पर्यटन योजनाओं और अधोसंरचना के लिए पूरी तरह उपयुक्त है। HPTDC का यहां आगमन इस दिशा में निर्णायक कदम है। इससे कांगड़ा, चंबा, ऊना, हमीरपुर और मंडी जैसे पिछड़े क्षेत्रों को पर्यटन के माध्यम से नई पहचान और आर्थिक संबल मिलेगा। यह निर्णय हिमाचल की राजधानी शिमला पर बढ़ते प्रशासनिक और पर्यटक भार को कम करेगा, जिससे वहाँ के बुनियादी ढांचे को राहत मिलेगी। साथ ही, पूरे प्रदेश में पर्यटकों का संतुलित वितरण होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी होटल, ट्रैवल और लोकल व्यापार के माध्यम से आय और अवसर बढ़ेंगे। विकास धीमान ने HPTDC के पहली बार मुनाफे में आने को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि पर्यटन आज हिमाचल का 'कमाऊ पुत्र' है – जो न केवल प्रदेश की आर्थिक रीढ़ बन चुका है, बल्कि लाखों युवाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का माध्यम भी है। पर्यटन मंत्री RS बाली के दूरदर्शी नेतृत्व ने यह संभव किया है। उनके कुशल प्रबंधन से HPTDC को न केवल घाटे से उबारा गया, बल्कि प्रदेशभर में होटलों का नवीनीकरण, सुविधाओं का आधुनिकीकरण और नई पर्यटन योजनाओं की शुरुआत भी की गई है। इससे न केवल पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा, बल्कि हिमाचल की छवि एक उच्च गुणवत्ता पर्यटन गंतव्य के रूप में उभरेगी। पर्यटन की मजबूती से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर खुलेंगे। गाइडिंग, होमस्टे, ट्रेवल सर्विस, लोकल उत्पादों की बिक्री, और फूड बिजनेस में युवाओं को स्वरोजगार के नए रास्ते मिलेंगे। हिमाचल का युवा अब नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजनकर्ता बनने की ओर अग्रसर होगा क्योंकि पर्यटन बहु आयामी क्षेत्र है.
सतत और रसायन मुक्त कृषि को प्रोत्साहित करने के लिए, राज्य मंत्रिमंडल ने चंबा जिला के पांगी को राज्य का पहला प्राकृतिक खेती उप-मंडल घोषित करने को स्वीकृति प्रदान की है, इसका उद्देश्य राज्य में प्राकृतिक खेती पारिस्थितिकी प्रणाली को मजबूत करना है। प्रदेश सरकार द्वारा पांगी घाटी में प्राकृतिक खेती पद्वति अपनाने वाले किसानों को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) स्थापित किया जाएगा। यह संगठन प्राकृतिक पद्वति से उगाए गए उत्पादों के विपणन में सहायता प्रदान करने, फसल उत्पादन में अंतराल को दूर करने, प्राकृतिक उत्पादों की आपूर्ति और उत्पादन का समुचित प्रबंधन और उपज के लिए प्रभावी ग्रेडिंग, पैकेजिंग और बाजार लिंकेज सुनिश्चित करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा कि एफपीओ से किसानों को उनकी प्राकृतिक उपज के लिए बेहतर मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलने के साथ-साथ उपयुक्त बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर सीईटीएआरएएनएफ प्रणाली के तहत किसानों के समूहों को विकसित और प्रमाणित किया जाएगा, इस प्रणााली को राज्य भर में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए अपनाया गया है। इन प्रयासों से बड़े क्षेत्र प्रमाणन (एलएसी) का मार्ग प्रशस्त होगा, जिसमें एक ही क्षेत्र में रसायन-मुक्त खेती को अनिवार्य किया गया है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए, राज्य सरकार ने पांगी घाटी में भागीदारी गारंटी प्रणाली के तहत एलएसी प्रमाणन के लिए एक समिति का गठन किया है। इस समिति को प्रमाणन प्रक्रिया शुरू करने के लिए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का कार्य सौंपा गया है। प्राकृतिक खेती को और बढ़ावा देने के उदद्ेश्य से राज्य सरकार ने पांगी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती से उगाई गई जौ को 60 रुपये प्रति किलो ग्राम के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने की घोषणा की है। इस पहल से पांगी जैसे दुर्गम क्षेत्रों में स्थानीय युवा और कृषक वर्ग पर्यावरण हितैषी प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित होंगे और इन युवाओं को आजीविका का एक स्थाई साधन उपलब्ध होगा। प्रवक्ता ने बताया कि यह कदम पांगी की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मील पत्थर साबित होगा। किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पांगी क्षेत्र में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए 5 करोड़ रुपये का रीवालिंवग फंड देने की घोषणा की है।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक कश्मीरी को अपने वॉट्सऐप स्टेटस पर पाकिस्तान का झंडा लगाना महंगा पड़ गया है। युवक पर आरोप है कि उसने बीते वर्ष अपने WhatsApp स्टेटस पर पाकिस्तान का झंडा लगाया था। पुलिस ने गुप्त सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अनंतनाग, जम्मू-कश्मीर का रहने वाला आदिल मगरे शिमला में एक गैस एजेंसी में मजदूरी का काम करता है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष उसने अपने WhatsApp स्टेटस पर पाकिस्तान का झंडा लगाया था, जिसका किसी व्यक्ति ने स्क्रीनशॉट लेकर अपने पास सुरक्षित रख लिया था। WhatsApp स्टेटस आमतौर पर 24 घंटे के लिए ही दिखता है और युवक ने भी कुछ देर बाद इसे हटा दिया था। हालांकि, अब इसी पुराने स्टेटस के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने युवक की पहचान आदिल मगरे के रूप में की है, जो शिमला में गैस सप्लाई का काम करता है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच हिमाचल प्रदेश में पहले भी पाकिस्तान समर्थक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले सामने आ चुके हैं। सोलन जिले के कंडाघाट में एक महिला और मनाली व सुन्नी में भी इसी तरह के आरोप लगे थे।
शाहपुर के रणबांकुरे सूबेदार मेजर पवन कुमार ने देश की रक्षा करते हुए शहादत दी। वे 25 पंजाब रेजीमेंट में तैनात थे और सीमावर्ती राजौरी क्षेत्र में पाकिस्तान द्वारा की जा रही भारी गोलीबारी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। उनका संबंध एक सैन्य परिवार से था, और उनके पिता गरज सिंह भी सेना में हवलदार पद से सेवानिवृत्त हैं। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र ऐसे वीर सपूतों के बलिदान को कभी नहीं भुला सकता। उन्होंने कहा कि शहीद का बलिदान देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है और यह प्रदेश तथा देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उप मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
भारत-पाकिस्तान के बीच वर्तमान में चल रहे तनावपूर्ण हालातों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ऊना ने क्षेत्र में जन-सुरक्षा व कानून व्यवस्था की अक्षुण्णता को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। ऊना जिले में ड्रोन उड़ाने और पटाखे चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जतिन लाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 33 एवं 34 के अंतर्गत यह आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के मुताबिक ऊना जिले की सीमा में किसी भी प्रकार के ड्रोन, मानव रहित विमान (यूएवी), रिमोट-नियंत्रित एयरक्राफ्ट या ड्रोन आधारित फोटोग्राफी- वीडियोग्राफी पर तत्काल प्रभाव से पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यदि किसी संस्था या व्यक्ति को विशेष अनुमति की आवश्यकता है, तो इसके लिए उपायुक्त से पूर्व में लिखित स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। वहीं, वर्तमान संवेदनशील सुरक्षा परिस्थिति को देखते हुए जिले में पटाखों के प्रयोग, बिक्री और विस्फोट पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। यह निर्णय किसी भी प्रकार की अफवाह, घबराहट या विस्फोट जैसी आवाज़ों की गलत व्याख्या को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे और अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे। आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 तथा अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कांगड़ा जिले की प्राथमिक पाठशाला बंडोल को "सस्टेनेबिलिटी और बायोडायवर्सिटी" प्रोजेक्ट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शूलिनी यूनिवर्सिटी, सोलन में आयोजित एक भव्य समारोह में विप्रो फाउंडेशन और इको विज्ञान फाउंडेशन द्वारा प्रतिष्ठित "विप्रो आर्थियंस" पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार पाठशाला को पर्यावरण जागरूकता और संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पहले भी मिले स्टेट इनवायरनमेंट लीडरशिप अवार्ड और ग्रीन स्कूल अवार्ड की कड़ी में एक और बड़ी उपलब्धि के रूप में प्राप्त हुआ है। प्रोजेक्ट के अंतर्गत वर्षभर चलने वाली पर्यावरण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने सतत विकास और जैव विविधता की अवधारणा को बारीकी से समझा। इको क्लब इंचार्ज, सुनील धीमान ने बताया कि पाठशाला में बच्चों को बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण का महत्व सिखाया जाता है, ताकि वे अपने आस-पास के पर्यावरण से जुड़ें और पर्यावरण संरक्षण की संस्कृति का विकास कर सकें। इस पुरस्कार वितरण समारोह में शूलिनी यूनिवर्सिटी के चेयरमैन, हिमाचल शिक्षा विभाग शिमला और सोलन से शिक्षा उपनिदेशक एवं साइंस सुपरवाइजर, चयनित पाठशालाओं के इको क्लब इंचार्ज और बच्चे भी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अंब उपमंडल के भरवाईं क्षेत्र स्थित बेहड़ भटेड़ गांव में 9-10 मई की दरम्यानी रात लगभग 1:30 बजे एक गैर-आबादी क्षेत्र में धातु का संदिग्ध टुकड़ा गिरने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह टुकड़ा एक उपकरण की तरह दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के नागरिकों में घबराहट फैल गई। स्थानीय नागरिकों द्वारा सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित किया। प्रारंभिक जांच में यह टुकड़ा निष्क्रिय प्रतीत हुआ, और इससे किसी प्रकार के जान-माल का नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है। अभी विशेषज्ञों की एक टीम इस संदिग्ध टुकड़े की गहन जांच कर रही है, ताकि इसकी असली प्रकृति और कारण का पता लगाया जा सके। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और अफवाहों से बचें। केवल अधिकृत और प्रमाणिक सूचनाओं पर विश्वास करें। सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है और मामले की जांच जारी है।
उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि वर्तमान स्थितियों के चलते नागरिक किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान रहीं दें तथा किसी भी तरह के संशय होने पर टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करें।उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि प्रशासन के निर्देशों की अनुपालना भी सुनिश्चित करें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने सोशल मीडिया हेंडलर्स से भी आग्रह किया है किसी भी तरह की अपुष्ट सूचनाओं को अपलोड नहीं करें ताकि लोगों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक सोशल प्लेटफार्म पर भरोसा रखें इसके साथ डीसी कांगड़ा तथा एसपी कांगड़ा पेज पर भी समय समय निर्देशों को अपलोड किया जाएगा ताकि नागरिकों को स्पष्ट तथा सही जानकारी मिल सके। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा स्थितियों को ध्यान में रखते नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार तथा प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। आम नागरिकों किसी भी तरह से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि कांगड़ा जिला में नागरिक सुरक्षा सिस्टम के लिए प्लान भी तैयार किया गया है तथा प्रत्येक पंचायत की आबादी की एक प्रतिशत संख्या वालंटियर्स की तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि कांगड़ा जिला में सिविल डिफेंस प्लान के सुचारू कार्यान्वयन के लिए विभिन्न विभागों के प्राधिकृत नोडल अधिकारी तत्परता के साथ कार्य करें ताकि विशेष परिस्थितियों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा उपमंडल स्तर तक सायरन स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को सतर्क किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, फायरबिग्रेड, एसडीएएफ इत्यादि विभागों को सिविल डिफेंस प्लान के तहत विभिन्न कार्य आवंटित किए गए हैं।
युद्ध की आशंका के दृष्टिगत आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने शुक्रवार को सभी विभागों के साथ बैठक की और सभी विभागों को इस सम्बन्ध में उचित दिशा-निर्देश जारी किए। मनमोहन शर्मा ने सम्बन्धित अधिकारियों को ब्लैक आउट के समय प्रयोग किए जाने वाले साइरनों की जांच सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए ताकि आपात स्थिति में लोगों तक साइरन की आवाज पहुंच सके। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को ज़िला सोलन में स्थापित सभी सोलर लाईटों को अस्थाई तौर पर बंद करने अथवा ढकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आगामी आदेशों तक संवेदनशील क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें बंद करने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने सम्बन्धित अधिकारी को जवाहर पार्क में स्थापित साइरन के संचालन के लिए गृह रक्षा के जवान की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने अग्निशमन विभाग को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को दवाइयों का भण्डारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ निर्धारित समयावधि के अनुसार उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को शिक्षण संस्थानों, महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में शीघ्र मॉक ड्रिल करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने ज़िला के नागरिकों को सुरक्षा की दृष्टि से बिना कार्य के सांय बाद घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया ज़िला प्रशासन द्वारा समय-समय पर दी जा रही एडवाइज़री का पालन करना सुनिश्चित बनाएं ताकि सभी सुरक्षित रह सके। उन्होंने नागरिकों से रात्रि के समय में अपने घरों की खिड़कियां ढंक कर रखने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार चंदेल, उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल, गृह रक्षा सोलन के आदेशक संतोष, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
भारत की सेना द्वारा पाकिस्तान पर की गई एयर स्ट्राइक के बाद देश के कई राज्यों में अलर्ट जारी होने और फ्लाइटें रद्द होने का असर अब पर्यटन पर भी दिखने लगा है। भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध की आशंकाओं के चलते पर्यटक घूमने से परहेज कर रहे हैं, जिसका सीधा प्रभाव पंजाब के पर्यटन पर पड़ रहा है। जिन पर्यटकों ने पहले से ही घूमने की योजना बनाई थी और एडवांस बुकिंग करवा रखी थी वे भी अब अपनी बुकिंग को या तो होल्ड करवा रहे हैं या फिर रद्द कर रहे हैं। लॉन्ग वीकेंड के चलते राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों द्वारा बड़ी संख्या में एडवांस बुकिंग की गई थी। हालांकि, मौजूदा हालात के कारण अब शिमला में ही करीब 50 फीसदी पर्यटकों ने अपनी एडवांस बुकिंग को होल्ड पर रख दिया है, जबकि कई पर्यटक अपनी बुकिंग कैंसिल करवा रहे हैं। पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से पर्यटक अभी भी शिमला पहुँच रहे हैं, लेकिन अन्य दूर-दराज के राज्यों से आने वाले पर्यटक पहाड़ों की ओर रुख करने से कतरा रहे हैं। गृह मंत्रालय द्वारा फिलहाल सभी राज्यों की फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया है। जिससे पर्यटकों की आवाजाही और भी सीमित हो गई है। शिमला के एक होटल मालिक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि अप्रैल महीने में शिमला में काफी पर्यटक आए थे और मई में भी अच्छी संख्या में पर्यटकों की उम्मीद थी। लॉन्ग वीकेंड के लिए भी पर्यटकों ने एडवांस बुकिंग करवाई थी लेकिन पाकिस्तान पर हुई एयर स्ट्राइक के बाद स्थिति गंभीर बनी हुई है। अब पर्यटक घूमने से हिचकिचा रहे हैं और जिन पर्यटकों ने एडवांस बुकिंग करवाई थी उनमें से कई अब बुकिंग कैंसिल करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में सभी व्यवसायी सरकार के साथ खड़े हैं। वहीं, पर्यटन निगम के जीएम अनिल तनेजा ने बताया कि पर्यटन निगम के होटलों में अभी लगभग 40 फीसदी बुकिंग है। हालांकि, फ्लाइटें स्थगित होने के कारण पर्यटक अब अपनी बुकिंग रद्द करवाने के लिए फोन कर रहे हैं। ज्यादातर पर्यटक अपनी बुकिंग को आगे की तारीखों के लिए स्थगित करवाना चाहते हैं और पर्यटन निगम ऐसे पर्यटकों को उनकी सुविधानुसार आगे की बुकिंग दे रहा है।
सोलन: कंडाघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और देशविरोधी टिप्पणी पोस्ट करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कंडाघाट के एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद अमल में लाई गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि कंडाघाट में सिलाई का काम करने वाली एक महिला ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल से कुछ ऐसा साझा किया जो देश की एकता और अखंडता के खिलाफ है और भड़काऊ था। इसके साथ भारतीय सेना और आम नागरिकों की भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाली पोस्ट थी। शिकायत में यह भी कहा गया कि इस प्रकार की पोस्ट समाज में विद्वेष और अशांति फैलाने की क्षमता रखती है। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज कर तुरंत जांच शुरू कर दी। जांच में आरोपी महिला की पहचान 48 वर्षीय के रूप में हुई, जो कंडाघाट तहसील की निवासी है और पिछले 25 से 30 वर्षों से कंडाघाट में किराए के कमरे में रहकर सिलाई का व्यवसाय कर रही थी। कंडाघाट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उस मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के लिए किया गया था। पुलिस ने बताया कि महिला को आज न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस महिला द्वारा पोस्ट की गई सामग्री की तकनीकी और कानूनी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
पाकिस्तान द्वारा कश्मीर से लेकर राजस्थान तक हमलों की कोशिशों के बाद धर्मशाला में चल रहा आईपीएल मैच सुरक्षा कारणों से बीच में रोक दिया गया। यह मैच पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा था।सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैच को रोका गया और फ्लड लाइट्स बंद करवा दी गईं। इसके बाद, दर्शकों को स्टेडियम से सुरक्षित बाहर निकाला गया और कुछ ही मिनटों में पूरा स्टेडियम खाली करवा लिया गया। पंजाब किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10.1 ओवर में एक विकेट खोकर 122 रन बनाए थे। पाकिस्तान की ओर से देश के 15 शहरों में हमले की कोशिशों के बाद हिमाचल प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। खासकर राज्य के पर्यटन स्थलों, शक्तिपीठों, जल विद्युत परियोजनाओं और सीमावर्ती क्षेत्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं, और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की लंबी छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से फीडबैक लिया और इसे और सख्त बनाने के निर्देश दिए हैं।
हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने गुरुवार को मोरसिंघी में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ आयोजित नलवाड़ मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मेलों का आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने और सामाजिक सौहार्द्र को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने स्थानीय जनता से इस सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया। मंत्री राजेश धर्माणी ने मेला कमेटी को 50 हजार रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने बल्ह से सुलहान लिंक रोड के सुधार तथा पुलिया निर्माण के लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए और आश्वासन दिया कि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए आवश्यक धनराशि प्रदान की जाएगी। मेले के दौरान महिला मंडलों और स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। मंत्री धर्माणी ने मंच पर उपस्थित होकर प्रतिभागियों को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित प्रसिद्ध बागवानी विशेषज्ञ हरीमन शर्मा, एचपीएमसी के अध्यक्ष सतपाल, ग्राम पंचायत मोरसिंघी के प्रधान अमर सिंह, उपप्रधान अनिल चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
सुक्खू सरकार द्वारा लंबी दूरी बसों के किराए में बढ़ोतरी को लेकर नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने सरकार को फिर घेरा है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि किराया बढ़ाना हिमाचल की जनता के साथ नाइंसाफी है। जब से सुक्खू सरकार सत्ता में आई है तब से प्रदेश के लोगों को परेशान करने का जरिया बन गई है। एचआरटीसी आम आदमी की सवारी है, लोग अपने रोजमर्रा के कामों में एचआरटीसी की बसों का इस्तेमाल करते हैं। पहले ‘सुक्खू की सरकार’ ने मिनिमम बसों के किराए में वृद्धि करके आम लोगों के परिवार की जेबों पर महंगाई का बोझ डाला और अब लंबी दूरी के किराए में भी 15 फीसदी की बढ़ोतरी की है। इससे आम लोगों को महंगाई का एक और झटका दे दिया है जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
खेलों इंडिया गेम्स-2025 के लिए हिमाचल प्रदेश की कबड्डी महिला व पुरुष तथा सेपकटाकरा की महिला टीमों के लिए परीक्षण ट्रॉयल का आयोजन 10 मई को लुहणू स्टेडियम, बिलासपुर में आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी युवा सेवा एवं खेल विभाग के प्रवक्ता ने दी। उन्होंने बताया कि 19 से 24 मई को केंद्रशासित प्रदेश दादरा नगर, हवेली तथा दमन व दीयू में खेलो इंडिया बीच गेम्स-2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश की कबड्डी महिला व पुरुष तथा सेपकटाकरा की महिला टीमों के लिए परीक्षण ट्रॉयल 10 मई को प्रातः 10 बजे से लुहणू स्टेडियम, बिलासपुर में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस ट्रॉयल में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी हिमाचली प्रमाण-पत्र तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो सहित भाग ले सकते हैं। ट्रॉयल के लिए खिलाड़ियों का पंजीकरण प्रातः 9 बजे से आरम्भ होगा और परीक्षण ट्रॉयल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को टीए व डीए नहीं दिया जाएगा।
ज़िला परिषद की त्रैमासिक बैठक वीरवार को आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता ज़िला परिषद सोलन के अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने की। अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने ज़िला परिषद सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियां एवं कर्मचारियों से आग्रह किया कि विकास कार्यों को पूर्ण करने के लिए बेहतर समन्वय स्थापित कर गति प्रदान करें ताकि समय पर परियोजनाओं का लोगों को लाभ मिल सके। ज़िला परिषद अध्यक्ष ने कहा कि ज़िला परिषद सदस्य प्रदेश सरकार, ज़िला प्रशासन एवं आमजन के मध्य महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और सभी के सहयोग से ही समयबद्ध विकास सुनिश्चित हो सकता है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों का यह प्रयास रहना चाहिए कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सकारात्मक सहयोग से जनता की समस्याओं का शीघ्र निवारण किया जा सके। रमेश ठाकुर ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी ज़िला परिषद के सदस्यों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर आमजन की समस्याओं को चरणबद्ध आधार पर निपटाएं। उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं बैठक से पूर्व प्रेषित करें ताकि इनका उचित समाधान किया जा सके। बैठक में शहर में श्वान की बढ़ती संख्या से हो रही परेशानी के बारे में चर्चा की गई। इस सम्बन्ध में उप निदेशक पशुपालन विवेक लाम्बा ने अवगत करवाया कि सोलन में श्वान नसबन्दी केन्द्र स्थापित किया जा रहा है जिसका संचालन शीघ्र ही आरम्भ कर दिया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त ने विश्वास दिलाया कि ज़िला प्रशासन, चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर जन समस्याओं के निवारण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि विकासात्मक कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ गतिशीलता भी लाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के अनुभव एवं बेहतर निर्णय आमजन की समस्या को कम करने में सहायक बनते हैं। बैठक में 50 पुराने मद व 03 नए मदों पर चर्चा की गई। बैठक में सड़क, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, फोरलेन, सिंचाई सहित अन्य समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में ज़िला परिषद के सदस्यों को 20 जनवरी से 02 मई तक के आय-व्यय का ब्यौरा दिया गया। वही ज़िला पंचायत अधिकारी जोगिंदर राणा ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया। बैठक में ज़िला परिषद उपाध्यक्ष कमलेश पंवर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप, विभिन्न ज़िला परिषद सदस्य, पंचायत समिति धर्मपुर की अध्यक्ष जमना ठाकुर व अन्य पंचायत समिति के सदस्य, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुशील रत्न राजकीय डिग्री महाविद्यालय ज्वालामुखी में वीरवार को "एग्रीकल्चर, फ्लोरीकल्चर और विभिन्न सब्सिडी" विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में बागवानी के महत्व के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. आरती शर्मा द्वारा स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने उपस्थित अतिथियों और छात्रों का स्वागत किया। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. रक्ष पाल ने फलों के उत्पादन और उनकी कृषि में भूमिका पर विस्तृत जानकारी की। उन्होंने बताया कि फलों का उत्पादन न केवल कृषि क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, बल्कि यह खाद्य सुरक्षा और पोषण स्तर को भी बेहतर बनाता है। इसके अलावा, डॉ. पाल ने किसानों के लिए बागवानी को एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में प्रस्तुत किया तथा इसके सामाजिक और आर्थिक लाभों पर जोर दियाl तदोपरांत डॉ सुशील कुमार बस्सी प्रिंसिपल नें विद्यार्थियों को बाग वानी की महत्ता को समझाया औऱ डॉ राक्षपाल का धन्यवाद कियाl कार्यक्रम की अगली कड़ी में डॉ. आरती ठाकुर ने बागवानी में मिलने वाली सब्सिडी के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। कार्यक्रम में सभी संकाय के 97 विद्यार्थियों ने भाग लिया और प्रिंसिपल और स्टाफ के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश में ठेकेदारों को समय पर भुगतान न होने, परियोजनाओं के लंबित रहने और कोषागार(Treasury)की नियमित कार्यप्रणाली ठप होने को लेकर पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां परगपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार की नीतिगत विफलता और प्रशासनिक सुस्ती ने प्रदेश की विकास प्रक्रिया को जड़ से हिला कर रख दिया है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में बुनियादी ढांचे से जुड़े सैकड़ों निर्माण कार्य ठप पड़े हैं क्योंकि कार्य करने वाले ठेकेदारों को समय पर भुगतान नहीं हो रहा। राज्य की कोषागार प्रणाली अस्त-व्यस्त है, जिसकी वजह से निष्पादित कार्यों की भुगतान फाइलें महीनों तक लंबित पड़ी रहती हैं। यह स्थिति केवल कार्य करने वालों की मेहनत और अधिकार का अपमान नहीं है, बल्कि प्रदेश की विकास गति को भी बुरी तरह प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, भवन, जल जीवन मिशन, विद्यालय भवन, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य आवश्यक परियोजनाएं समय से पूरी नहीं हो पा रही हैं। ठेकेदारों को भुगतान के लिए विभागों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और जब कोषागार नियमित रूप से कार्य नहीं करता, तो भुगतान का पूरा तंत्र ही चरमरा जाता है। बिक्रम ठाकुर ने कहा, "सरकार को यह समझना होगा कि ठेकेदार केवल व्यवसायी नहीं, बल्कि प्रदेश के निर्माण के सच्चे भागीदार हैं। जब उन्हें समय पर मेहनताना नहीं मिलेगा, तो वे कैसे काम को जारी रखेंगे? कांग्रेस सरकार की यह लापरवाही न केवल विकास कार्यों को रोक रही है, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका पर भी संकट खड़ा कर रही है।" उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि एक तरफ सरकार झूठे विज्ञापन और घोषणाओं से विकास का आभास दे रही है, वहीं दूसरी ओर धरातल पर वास्तविक स्थिति बेहद चिंताजनक है। बिक्रम ठाकुर ने मांग की कि सरकार तुरंत कोषागार व्यवस्था को दुरुस्त करे, सभी लंबित भुगतानों का समयबद्ध निपटारा करे और आगे से ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे कि कार्य पूर्ण होने के पश्चात किसी ठेकेदार को भुगतान के लिए परेशान न होना पड़े।
विद्युत उपमंडल कुनिहार में जिनके घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं और जिन्हें समय पर बिजली नहीं मिल है। जिससे लोग खासे परेशान हो रहे है। जिसके बाद वीरवार को विद्युत उपमंडल कुनिहार के सहायक अभियंता इंजीनियर मोहिंदर सिंह चौधरी ने बताया कि उपमंडल के वे बिजली उपभोक्ता जिनके घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं और जिन्हें समय पर बिजली बिल नहीं मिल रहा है, वे अब एचपीएसईबीएल स्मार्ट मीटर ऐप की मदद से आसानी से अपने बिलों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर पर जाकर अपने मोबाइल फोन में एचपीएसईबीएल स्मार्ट मीटर ऐप डाउनलोड करें। इस ऐप के माध्यम से उपभोक्ता न केवल अपने बिजली बिल की स्थिति देख सकते हैं, बल्कि बिजली की खपत, मीटर रीडिंग, भुगतान इतिहास और अन्य आवश्यक जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। वही सहायक अभियंता एचपीएसईबीएल कुनिहार ने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और किसी भी तरह की परेशानी से बचें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को तकनीक के माध्यम से बेहतर सेवाएं प्रदान करना विभाग की प्राथमिकता है।
शिमला, धर्मशाला, सोलन, कांगड़ा, डलहौजी, नारकंडा समेत कई जगह बुधवार को बादल बरसे। ऊना में धूप खिलने से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग ने 11 मई तक हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ का दौर जारी रहने का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में बदले मौसम से अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई है। शिमला में बुधवार सुबह के समय मौसम साफ रहा। दोपहर बाद कुछ देर के लिए बादल झमाझम बरसे। शाम के समय फिर शिमला में धूप खिल गई। प्रदेश में कई जगह अंधड़ और ओलावृष्टि से सेब के साथ जौ और गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश में 11 मई तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा के कई क्षेत्रों में बारिश और अंधड़ का पूर्वानुमान है। 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार जताए गए हैं।
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने जिला लाहौल-स्पिति के उदयपुर में नवनिर्मित डबल लेन पुल (भीम सेतु) को राष्ट्र को समर्पित करने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया। यह पुल सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित किया गया है और क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस पुल का लोकार्पण समारोह बीआरओ के 66वें स्थापना दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित किया गया। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने वर्चुअल माध्यम से इस समारोह में भाग लिया। समारोह के दौरान रक्षा मंत्री ने अन्य राज्यों के लिए 50 सड़कों और पुलों सहित कई महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया, जिनमें उदयपुर में 4.7 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भीम सेतु भी शामिल है। इस पुल का निर्माण 20 फरवरी, 2023 को प्रारंभ हुआ था और यह 17 जनवरी, 2025 को पूर्ण हुआ। राज्यपाल ने इस पुल के सामरिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह नया पुल 21 मीटर लंबा और 10 मीटर चौड़ा है, जिसकी भार क्षमता 70आर है। इस पुल के निर्माण से क्षेत्र में कनेक्टिविटी और परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण सुधार होगा। राज्यपाल ने प्रोजेक्ट दीपक के मुख्य अभियंता राजीव कुमार और उनकी टीम, साथ ही 94 सड़क निर्माण कंपनी के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस मौके पर उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके अलावा राज्यपाल के सचिव सीपी वर्मा, पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह, प्रोजेक्ट दीपक के मुख्य अभियंता राजीव कुमार और बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी भी इस समारोह में उपस्थित थे।
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज जिला किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित आईटीडीपी सम्मेलन कक्ष में स्थानीय क्षेत्र विकास समिति (लाडा) की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में राजस्व मंत्री ने गत बैठक में परियोजना अधिकारियों को दिए गए निर्देशों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा तथा की गई कार्यवाही से मंत्री को अवगत करवाया गया। बैठक में केबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने समस्त परियोजना अधिकारियों को प्रभावित पंचायतों में चल रहे कार्यों को निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना अधिकारियों का निर्देश दिए कि जिला के बेरोज़गार युवाओं को रोजगार प्रदान करें तथा रोजगार सृजन करना सुनिश्चित बनाएं। जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने परियोजना अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल विद्युत परियोजनाओं की सभी डम्पिंग साइटों को चिन्हित करें। इसके अलावा कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सी.एस.आर) की लम्बित राशि को शीघ्र जमा करवाएं तथा सी.एस.आर के पैसे को स्थानीय पंचायत के साथ बैठक कर जनहित के कार्यों में खर्च करना सुनिश्चित करें। इसके उपरान्त राजस्व मंत्री ने कल्पा व सांगला क्षेत्र के तहत विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की बैठक की अध्यक्षता की तथा अधिकारियों को साडा के तहत कार्यन्वित की जा रही विकास गतिविधियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त साडा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले स्थानों में सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के कड़े निर्देश दिए गए। बैठक में रिकांगपिओ में स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव, पार्किंग व्यवस्था, पार्किंग निषेध क्षेत्र, पोवारी स्थित ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र, सार्वजनिक शौचालय निर्माण, पर्यटन नगरी सांगला में यातायात व्यवस्था तथा जल एवं मल निकासी पर विस्तृत चर्चा की और विभिन्न विभागों विशेषकर जल शक्ति, लोक निर्माण एवं वन विभाग को बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया ताकि क्षेत्र में विकासात्मक कार्यों को गति मिल सके तथा अधोसंरचना निर्माण के दौरान विभागों में अति व्यापी की समस्या उत्पन्न न हो। बैठक की कार्यवाही का संचालन उपमण्डलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाइक ने किया तथा लाडा व साडा के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इससे पूर्व राजस्व मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजस्व मंत्री ने नवनिर्मित महाविद्यालय पुस्तकालय का लोकार्पण किया तथा विज्ञान भवन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्षा प्रिया नेगी, उपमण्डलाधिकारी निचार नारायण सिंह चौहान, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचारस, जिला परिषद सदस्य हितैष नेगी, उपपुलिस अधीक्षक नवीन जालटा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, तहसीलदार सांगला हरदयाल सिंह, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण आनंद शर्मा, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत टाशी नेगी, अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, उप-निदेशक बागवानी भूपेंद्र नेगी, प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय रिकांग पिओ डॉ उत्तम चंद चौहान, विभिन्न पंचायतों के जन प्रतिनिधि, विभिन्न परियोजनाओं के पदाधिकारी व गैर सरकारी सदस्यों सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
जयसिंहपुर के पूर्व भाजपा विधायक रविंद्र धीमान ने ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय सेना और भारतीय वायुसेना को हार्दिक धन्यवाद एवं बधाई दी है धीमान ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य क्षमता, कूटनीतिक ताकत और मानवीय संवेदनाओं का अद्भुत उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी वायुसेना ने जिस साहस, समर्पण और कुशलता के साथ यह अभियान सफल बनाया, वह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है उन्होंने विशेष रूप से ऑपरेशन में शामिल जवानों, पायलटों और सभी अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके योगदान के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। यह अभियान दुनिया को यह संदेश देता है कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि मानता है चाहे वे दुनिया के किसी भी कोने में हों।
कुनिहार में पेंशनरों ने की बैठक, सरकार से वित्तीय लाभ जल्द देने की मांग कुनिहार: पेंशनर एसोसिएशन कुनिहार की मासिक बैठक पेंशन भवन तालाब कुनिहार में प्रधान विनोद जोशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत सरकार की यह मांग की गई कि बाहरी देश के घुसपैठियों की पहचान करके उन्हें तुरंत बाहर का रास्ता दिखाया जाए, ताकि देश में पहलगाम जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पेंशनरों ने भारतीय सेना की तारीफ करते हुए कहा कि हमारे देश के जवानों ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक कर यह साबित कर दिया कि आतंकियों को कैसे मिट्टी में मिलाया जाता है। इस स्ट्राइक के लिए पेंशनर एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। पेंशनरों का यह भी कहना था कि हमें पूरा विश्वास है कि मोदी सरकार देशवासियों को किसी भी प्रकार की आंच नहीं आने देगी। बैठक में पेंशनर एसोसिएशन के कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा कई विषयों पर चर्चा की गई और पेंशनरों के वित्तीय लाभ शीघ्र देने की मांग की गई। पेंशनरों ने प्रदेश सरकार से महंगाई भत्ते की बकाया किस्तों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। पेंशनरों का कहना था कि जुलाई 2022 से मार्च 2024 तक के महंगाई भत्ते का एरियर अभी तक नहीं दिया गया है, जिसे जल्द जारी किया जाए। इसके अतिरिक्त, सेवानिवृत कर्मचारियों की एकमुश्त कटौती को 15 वर्षों के बजाय 10 वर्ष 8 महीने के बाद पेंशन के साथ समायोजित करने के आदेश दिए जाएं, जैसा कि कुछ राज्यों ने पहले ही किया है। साथ ही, 65, 70 और 75 वर्ष के सेवानिवृत कर्मचारियों को 5, 10 और 15 प्रतिशत के लाभ को मूल वेतन पर समायोजित कर पेंशन में दिया जाए। पेंशनरों ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार से यह अनुरोध किया गया कि एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2022 के बीच सेवानिवृत कर्मचारियों के वित्तीय लाभ संशोधित वेतनमान के तहत अभी तक कोई भी भुगतान नहीं हुआ है, जबकि एक जनवरी 2022 के बाद से सेवानिवृत कर्मचारियों को सभी लाभ दिए जा चुके हैं, जो कि अन्यायपूर्ण और पक्षपाती निर्णय है। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सरकार से जल्द जेसीसी की बैठक बुलाई जाए ताकि लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा की जा सके। पेंशनरों ने चेतावनी दी कि यदि एरियर और महंगाई भत्ते की किस्तों का तुरंत भुगतान नहीं किया गया, तो उन्हें संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा। पेंशनरों का कहना था कि माननीयों को अपनी भत्ते में वृद्धि करने के लिए वित्तीय संकट नहीं होता, लेकिन जब कर्मचारियों और पेंशनरों की बात आती है तो यह संकट सामने आ जाता है। बैठक में विनोद जोशी, महासचिव चेतराम, सूर्यकांत जोशी, ज्ञान जोशी, दिलाराम तंवर, दीपराम ठाकुर, डी. एन. परिहार, गोपाल सिंह पावर, राजेंद्र शर्मा, गोविंद राम, जगदीश, कृष्ण लाल तनवर, दिलाराम पंवर, विजय कंवर आदि पेंशनर मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को भारतीय सेना द्वारा ‘ऑप्रेशन सिंदूर’ के सफल संचालन के उपरान्त शिमला में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने ‘ऑप्रेशन सिंदूर’ के सफल संचालन के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को बधाई देते हुए कहा कि हमें अपने देश की सेनाओं पर गर्व है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, परिवहन व्यवस्था, खाद्यान्न आपूर्ति, संचार व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, आपदा प्रबन्धन, स्वास्थ्य सेवाएं सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की तथा विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। वही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न प्रबन्धों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
ज्वालामुखी: मेहर मेमोरियल पब्लिक स्कूल ने जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट में झटके 17 मेडल **राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन धर्मशाला के सिंथेटिक ट्रैक स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय एथलेटिक्स मीट में मेहर मेमोरियल पब्लिक स्कूल मझीन के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 मेडल जीते। इस प्रतियोगिता में अंडर 10 और अंडर 12 आयु वर्ग के बच्चों ने भाग लिया। अंडर 12 आयु वर्ग में छात्रा मीनाक्षी ने रेस में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि अंश भारद्वाज और तनुज भारद्वाज ने क्रमशः ब्रॉड जंप में दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर 12 लड़कियों की थ्रो बॉल प्रतियोगिता में शानवी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, अंश भारद्वाज और आरुष भारद्वाज ने भाला फेंक प्रतियोगिता में क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान जीता। अंडर 10 आयु वर्ग के लड़कों में बंश पंत ने 30 मीटर रेस में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सारंग मनन और नितिन डोगरा ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर 10 लड़कियों में निधि ने 30 मीटर रेस में पहला, सुनिधि ने दूसरा और जसप्रीत कौर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ब्रॉड जंप में निधि ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सुनिधि और मानशी राणा ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। मेहर मेमोरियल पब्लिक स्कूल के इन विजेता छात्रों को 10 मई को बिलासपुर में होने वाली राज्य स्तरीय किड्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए जिला कांगड़ा का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। स्कूल प्रशासन और बच्चों के माता-पिता ने इस अवसर पर विजेताओं को बधाई दी और आगामी प्रतियोगिता में भी उनके अच्छे प्रदर्शन की कामना की। इस सफलता पर मेहर मेमोरियल पब्लिक स्कूल के संचालक अजय कुमार और हेडमास्टर निशा कुमारी ने बच्चों को शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों ने भी बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। स्कूल स्टाफ में आशीष कुमार, दिव्य भारती, संतोष कुमारी, रेखा, मीना कुमारी, प्रीति कौर, मुस्कान, अनीता, नेहा, अंजली सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। संचालक अजय कुमार ने कहा कि यह सफलता स्कूल के लिए गर्व की बात है और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बच्चों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।
मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर उरला के पास हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस दुर्घटनाग्रस्त होते-होते बची। गनीमत रही कि बस पेड़ से टकरा कर रुक गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस बस में 15 यात्री सवार थे। बस चालक संदीप कुमार के अनुसार, तीखे मोड़ में अचानक बस का मेन फ्रंट पट्टा टूट गया, जिससे बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। यह हादसा प्रातः 6 बजे हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पधर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निगम के निरीक्षक और पधर खेपन कार्यलय प्रभारी हेम राज भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। बस को निकालने के लिए राहत कार्य शुरू कर दिया गया है, और दो रिकवरी वाहन मौके पर राहत कार्य में जुटे हैं।


















































