जिला कांगड़ा में लगातार हो रही बरसात व भारी तूफान के चलते लाखों रुपये की सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान हुआ है। उपमंडल धर्मशाला की बात करें तो यहां पिछले दो दिनों से चल रही आंधी-तूफान ने लोगों को घरों में दुपकने पर मजबूर कर दिया है। तूफान के कारण बिजली विभाग को भी करारा झटका लगा है। एक्सईएन विकास ठाकुर ने बताया कि पेड़ गिरने के कारण बिजली की तारे टूटने के कारण विद्युत विभाग को काफी नुकसान हुआ है। विभाग के कई ट्रांसफार्मरों को भी नुकसान पहुंचा है, जिन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति में बाधा आई है, वहां विभाग के कर्मचारियों द्वारा इसे दोबारा सुचारू किया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव एवं मीडिया कोआर्डिनेटर पुनीत मल्ली ने जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नीतियां पूरी तरह से पारदर्शी, निष्पक्ष व आम जनता को खुश व भला करने वाली है तथा इन नीतियों से जनता के चेहरों पर खुशी झलकती नजर आ रही है। भाजपा पर हमला बोलते हुए पुनीत मल्ली ने कहा कि प्रदेश में भाजपा का ग्राफ तेजी से गिरता जा रहा है। प्रदेश में भाजपा की गलत नीतियों की सजा जनता बराबर उसे दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा के नेताओं ने जनता को भटकाने का काम किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सबसे मजबूत मुख्यमंत्री के रुप में उभर कर सामने आ रहे हैं। जनता के बीच उनकी बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा नेताओं में बौखलाहट का दौर चला हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने डबल इंजन की सरकार के नाम पर पांच सालों तक लोगों को गुमराह किया। पूर्व भाजपा की सरकार केंद्र से बेरोजगारों के लिए कोई योजना नही ला सकी। रोगजार के नाम पर बेरोजगारों से भाजपा ने छल किया। केंद्र तथा प्रदेश भाजपा ने मिलकर प्रदेश की जनता के हित्तों से खिलबाड़ किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी गारंटियों को पूरा कर रही है, जनता व कर्मचारी वर्ग में खुशी की लहर देखी जा रही है, जबकि उसके विपरित भाजपा नेता लगातार घटिया ब्यानबाजी कर अपने कद को ऊंचा रखने का प्रयास कर रहे हैं। पुनीत मल्ली ने कहा कि केंद्र में भी भाजपा के पतन की शुरुआत हो चुकी है। वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी तथा भाजपा राज में चल रही कमर तोड़ महंगाई से जनता को राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में हो रहे चुनावों में मोदी की गिरती छवि को बचाने के लिए भाजपा अब साजिश कर रही है। जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है उन राज्यों में कांग्रेस मजबूती से जनता की आवाज को उठा रही है। उन राज्यों में नरेंद्र मोदी की सरकार केंद्रीय शक्तियों का दुरुपयोग कर ईडी सीबीआई आईटी जैसी संस्थाओं को भेजकर कांग्रेस नेताओं को डरा धमका रही है। मल्ली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार झूठ बोलकर लोगों की आंखों में झूल झौंक रहे हैं मगर जनता चुनावों का इंतजार कर रही है ताकि भाजपा को सत्ता से बाहर किया जा सके।
थाना डमटाल पुलिस के तहत भदरोया में एक होटल में वेश्यावृत्ति का धंधा किया जाता था, जिस पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की व हरियाणा के एक व्यक्ति व लड़की को किया गिरफ्तार किया है। जानकारी देते हुए थाना डमटाल के प्रभारी कल्याण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम एक्साइज टोल बैरियर भदरोया के आसपास पेट्रोलिंग पर थी, तभी कृष्ण सिंह निवासी जिला कठुआ ने जानकारी दी कि भदरोया में आरडी होटल में वेश्यावृत्ति का धंधा किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा आरडी होटल में छापा मारकर व्यक्ति व लड़की को गिरफ्तार किया।
फतेहपुर विधायक भवानी पठानिया सियासत का वो चमकता सितारा है जिसने बेहद कम समय में सबको अपना मुरीद बना लिया है। भवानी वो नाम है जिन्होंने सियासत में आकर न तो अपना नजरिया बदला और न ही काम करने का तरीका, बल्कि अपनी अलहदा कार्यशैली से अपनी एक अलग जगह बना ली है। कॉर्पोरेट जगत में दशकों तक अपनी बेजोड़ कार्यशैली से छाप छोड़ने वाले भवानी सियासत में आकर भी उसी नियम कायदे से काम करते है l बाकायदा एक्सेल शीट्स तैयार होती है, प्रायोरिटी लिस्ट तय होती है, किसी भी योजना पर काम करने से पहले फिजिबिलिटी एनालिसिस होता है और फिर विधायक उस हिसाब से जनता की समस्याओं का निवारण करते है l भवानी की सोच बिलकुल स्पष्ट है, जनता का एक एक पैसा पूरी पारदर्शिता से व्यय हो और उसका जनहित में सर्वश्रेष्ठ इस्तेमाल हो l भवानी सिंह पठानिया की एक और बात निराली है और वो है लोगों में घुलमिल जाना l इसे भवानी की सादगी ही कहेंगे की वर्षों तक कॉर्पोरेट जगत में ऊँचे ओहदे पर काम करने वाले भवानी स्थानीय लोगों के साथ परिवार जैसा रिश्ता रखते है आम जनता और उनके बीच कोई दीवार नहीं है। जब जो चाहे अपने विधायक से आकर मिल सकता है और विधायक भी निरंतर अपने लोगों के बीच पहुंच जाते है। दूसरी बार के विधायक भवानी का कुल कार्यकाल अभी करीब डेढ़ साल का ही है लेकिन उनका और सुजानपुर की जनता का रिश्ता बेहद मजबूत है। हर बात को रखने का भवानी का अपना तरीका है। बेहद हल्के ढंग से भवानी बेहद गंभीर मसलों पर अपनी बात रख जाते है। भवानी पठानिया के सेंस ऑफ़ ह्यूमर के भी बहुत लोग कायल है। विरासत को बखूबी संभाला : फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र पूर्व मंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता सुजान सिंह पठानिया का गढ़ था। जनता से उनका जुड़ाव इस कदर था की जब भी पठानिया चुनावी मैदान में उतरते तो ये लगभग स्पष्ट हो जाता की जनता का प्यार किसे मिलेगा। पूर्व मंत्री स्व. सुजान सिंह पठानिया 1977 से लेकर सात बार एमएलए रहे। जब 2021 में उनका देहांत हुआ तो लगा मानों अब परिस्थितियां बदल जाएगी l उनके निधन के बाद उप-चुनाव हुआ और उनके बेटे भवानी पठानिया मैदान में उतरे l भवानी एक बैंकर थे और उस वक्त शायद ही किसी ने ये सोचा हो की बैंकिंग की दुनिया छोड़ कर भवानी राजनीती में टिक पाएंगे l परिवारवाद को लेकर भी खूब हो हल्ला मचा मगर इसके बावजूद भवानी पठानिया ने खुद को साबित किया और शानदार तरीके से चुनाव जीता l यही नहीं भवानी ने अगला चुनाव पूर्व सरकार में मंत्री रहे राकेश पठानिया के खिलाफ लड़ा मगर राकेश पठानिया भी भवानी के तिलिस्म के आगे नहीं टिक पाए और भवानी शानदार जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे l आज परिस्थितियां ऐसी है की भवानी सिंह पठानिया मंत्री पद की रेस में है जबकि उन्हें राजनीती में आए अभी ठीक से दो साल भी पूरे नहीं हुए l वित्तीय योग्यता आ सकती है प्रदेश के काम : भवानी पठानिया आर्थिक और वित्तय मामलों के जानकार है और उन्हें लम्बा अनुभव है । वे प्रदेश की आर्थिकी को बखूबी समझते है l प्रदेश की बिगड़ी आर्थिकी को संभालने के लिए भवानी अक्सर आसान भाषा में कई सुझाव सामने रखते है जो हर किसी को समझ आ जाए l जानकार मानते है की भवानी की ये योग्यता प्रदेश के आर्थिकी को पटरी में लाने में महत्वपूर्ण हो सकती है l ये ही कारण है की राजनैतिक माहिर मानते है की मौजूदा सरकार में भवानी पठानिया को महत्वपूर्ण ज़िम्मा मिल सकता हैl वहीँ समर्थक मानते है की कैबिनेट विस्तार में उन्हें मंत्री पद मिल सकता है । Note- ADVT
प्रदेश में 13 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को लेकर हिमाचल पुलिस ट्रैफिक टूरिस्ट एवं रेलवे विभाग द्वारा मोटर अधिनियम के तहत किए चालानों के भुगतान करने के लिए लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं। हिमाचल पुलिस ट्रैफिक टूरिस्ट एवं रेलवे विभाग द्वारा प्रदेश के करीब तीन लाख 15 हजार लोगों को उनके मोबाइल नंबर पर पेंडिंग चालानों के मैसेज भेजे भेजे हैं। हिमाचल पुलिस ट्रैफिक टूरिस्ट एवं रेलवे विभाग द्वारा भेजे जा रहे एसएमएस में ऑनलाइन लिंक पर क्लीक करके लोगों से चालान का भुगतान करने का आग्रह किया जा रहा है।
सुधीर शर्मा का नाम हिमाचल प्रदेश की सियासत में किसी परिचय का मोहताज नहीं है। सुधीर शर्मा का काम ही उनका परिचय है। वर्तमान में सुधीर शर्मा दूसरी बार धर्मशाला से विधायक है और अब तक के उनके कार्यकाल में धर्मशाला ने विकास के नव आयाम स्थापित किये है। ये सुधीर शर्मा की ही इच्छाशक्ति का नतीजा है कि चाहे स्मार्ट सिटी हो या नगर निगम का दर्जा, हर जगह धर्मशाला को तवज्जो मिली। 2012 में जब कांग्रेस की सरकार बनी तो धर्मशाला से सुधीर शर्मा विधायक बने और वीरभद्र सरकार में मंत्री भी। 2012 से 2017 तक का ये सफर धर्मशाला को प्रगति की ओर ले गया। एक बार फिर 2022 के चुनाव में सुधीर शर्मा ने जीत हासिल की है। अब धर्मशाला फिर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। सुधीर शर्मा ने अब तक धर्मशाला में अथाह विकास करवाया है और इस टर्म के लिए भी सुधीर विकास का एजेंडा तैयार कर चुके है l विधायक प्राथमिकता बैठक में इलाके की समृद्धि व उन्नति के लिए रखी गई मांगों के लिये उनके द्वारा मंज़ूरी ले ली गई है l धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में 26 संपर्क सड़क मार्गों का किया जाएगा निर्माण व संवर्धन - नाबार्ड के सहयोग से क्षेत्र में इन 13 संपर्क सड़क मार्गों का होगा निर्माण * हीरू दुशालनी संपर्क मार्ग * ग्राम पंचायत कण्ड करडियाना में वार्ड 4,5 के लिए संपर्क मार्ग *चकबन टीला से भरेड़ी धरूं पटोला के लिए संपर्क मार्ग *अलखन से जुल बगियाड़ा व जुल से फाटी गांव तक संपर्क मार्ग *अल्खन से बंजर अंद्राड संपर्क मार्ग *मान टी एस्टेट दाड़ी से खनियारा के लिए संपर्क मार्ग *गमरू से हीरू संपर्क मार्ग *न्यू बाघनी तपोवन बृह घिआना संपर्क मार्ग * खिडकू से सलिग *डल लेक नड्डी से मैकलोडगंज *कण्ड करडियाना से इक्कु खड़ पटोला * धर्मकोट से नड्डी तक संपर्क मार्ग का निर्माण -ग्रामीण आधारभूत विकास निधि के अंतर्गत बनेंगे 4 संपर्क मार्ग * मोहली ठेहड सोकनी दा कोट से पंचायत घर पटोला तक संपर्क मार्ग *चीलगाड़ी से रोडीकुट वाया निचला सकोह गदियाडा संपर्क मार्ग के शेष कार्य का निर्माण * खनियारा कसवा अंद्राड टिक्करी के सुधारी करण *योल बरवाला बंनरोडू का सुधारीकरण 6 पुलों का होगा निर्माण *ग्राम पंचायत पद्दर और ग्राम पंचायत रसेहड़ को जोड़ने हेतु इक्कू भागण खड़ पर केटी पुल का निर्माण * न्यू बाघनी तपोवन को जोड़ने के लिए रसा नाले पर पुल निर्माण * बड़ोई चौक से पटोला वाया सकोली सड़क हेतु भागन खड्ड पर पुल निर्माण * मैकलोडगंज भागसूनाग टऊ चोला को जोड़ने हेतु चरान खड्ड पर पुल निर्माण *हीरू दुशालन गमरु चोला संपर्क सड़क हेतु चुरान खड्ड पर पुल निर्माण *ढगवार चकवन से मसरेहड़ सड़क को जोड़ने के लिए घुरलू नाले पर पुल निर्माण लघु सिंचाई योजना के अंतर्गत 14 सिंचाई योजनाओं को पहनाया जायेगा अमलीजामा -पीएमकेएसवाई व आरआईडीएफ परियोजना के अंतर्गत नौ लघु सिंचाई योजनाओं को मिली मंजूरी * बहाव सिंचाई योजना झेयोल *मंदल नोड खड़ कुहल का निर्माण *बहाव सिंचाई योजना अपर सुक्कड़ और लोअर सुक्कड मनुनी खड्ड से निर्माण * बहाव सिंचाई योजना चडुल कूहल का इक्कू खड्ड से निर्माण * समलेतर नाग कूहल, लोअर सकोह कूहल का निर्माण * शेष पांच सिंचाई योजनाओं की डीपीआर बनाने को विभाग को सूचित किया गया है। - तीन पेयजल योजनाओं को भी स्वीकृति * पेयजल योजना सालिग जठेहड़, खनियारा, दाड़ी, सिधबाड़ी, रामनगर, श्यामनगर, एवम कनेड बरवाला का नवीनीकरण एवम संवर्धन * अप्पर तंगरोटी, लोअर तंगरोटी व बलेहड़ के लिए पेयजल योजना * पेयजल योजना सकोह, सराह, चैतडु के स्त्रोत का संवर्धन - नाबार्ड के सहयोग से जल जीवन मिशन के अंतर्गत दो स्कीम को भी मिली मंज़ूरी *ठेहड़ पटोला तथा साथ लगते अन्य गांव के लिए अलग पेयजल योजना * टऊ चोला जुल व साथ लगते क्षेत्रों के लिए अलग पेयजल योजना लोगों को साफ व बेहतर पीने का पानी उपलब्ध हो सके उसके लिए क्षेत्र में दस नलकूप लगाए जायेंगे ताकि पानी की समस्या दूर हो सके, इसके साथ ही शहरी क्षेत्र की तर्ज पर ग्रामीण क्षेत्र को भी सीवरेज की सुविधा से जोड़ने हेतु डीपीआर बनाने के निर्देश विभाग को दे दिए गए हैं। एडीबी के सहयोग से ग्राम पंचायत कण्ड बगियाडा व जुहल में पेयजल योजना का निर्माण करने की स्वीकृति भी मिल गई है। खेल स्टेडियम को 48 लाख की किश्त जारी ग्राम पंचायत कण्ड करियाणा में खेल स्टेडियम के निर्माण लिए 25 लाख व ग्राम पंचायत नरवाणा खास में खेल स्टेडियम के निर्माण हेतु 15 लाख व ग्राम पंचायत मनेड में खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए 8 लाख रुपए की पहली किश्त जारी करवा दी गई है, जिससे तीनों पंचायतों में शीघ्र ही खेल स्टेडियमों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा । नई तकनीक से बनेगा ढगवार दुग्ध संयत्र ढगवार दुग्ध संयत्र का नई तकनीक से जीर्णोधार करवाया जायेगा ताकि क्षेत्र के दूध उत्पादकों को आधुनिक ढंग से दुग्ध उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जा सके व दूध का उचित मूल्य प्रदान किया जा सके। साथ ही वर्षों पुरानी सब्जी उत्पादकों की मांग को ध्यान में रखते हुए सब्जी मंडी पास्सू के नवनिर्मित भवन के साथ अतिरिक्त भवन व दुकानों का निर्माण करवाया जायेगा । पिछली कांग्रेस सरकार में सुधीर शर्मा ने जो बजट स्वीकृत करवाया था उसके अनुरूप कार्य नहीं हुआ व सब्जी मंडी का भवन अधूरा रह गया लेकिन अब वहां अतिरिक्त भवन व दुकानों का निर्माण करवाया जायेगा। उसके बाद विनियमित सब्जी मंडी धर्मशाला को सब्जी मंडी पासु के स्थाई भवन में शिफ्ट कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। पासू में बनने वाले मुख्यमंत्री लोक भवन का भूमि पूजन भी शीघ्र ही कर दिया जाएगा जिसके लिए 40 लाख की पहली किश्त उपलब्ध करवा दी गई है । महिलाओं के लिए शक्ति दर्शन देवी दर्शन, महिला बैंक, सोलर रसोई माताओं- बहनों के लिए शक्ति दर्शन देवी दर्शन कार्यक्रम तथा साथ ही महिला बैंक जिसमे आय के साधन बढ़ाने के लिए इच्छुक महिलाओं के लिए धर्मशाला में सहकारिता के तहत योजना का क्रियान्वयन किया जाएगा। अगस्त से सोलर रसोई योजना की शुरुआत भी धर्मशाला के ग्रामीण इलाक़ों से शुरू कर दी जायेगा, जिसका लाभ हर घर को मिलेगा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ढलियारा में प्रधानाचार्य राजेश कुमार वैद्य की अध्यक्षता में रेड क्रॉस डे मनाया गया। इस दौरान 24 एनसीसी कैडेट्स को "ए" प्रमाणपत्र देकर सम्मानित भी किया गया। प्रधानाचार्य एनसीसी "ए" सर्टिफिकेट के बारे में बताते हुए कहा कि एनसीसी कैंप के दौरान फायरिंग तथा फिजिकल ट्रेनिंग तथा 2 साल के बाद इन विद्यार्थियों की परीक्षा ली जाती है, जिसमें उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को यह प्रमाण पत्र दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि एनसीसी में शामिल होने का बहुत लाभ मिलता है। इन विद्यार्थियों को किसी भी प्रतियोगिता में अतिरिक्त अंक दिए जाते हैं। इस मौके पर कॉमर्स प्रवक्ता अजय सपेहियाने भी बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इसके अलावा भाषण और प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान एनसीसी केयरटेकर अधिकारी मुकेश शर्मा ने भी बच्चों को एनसीसी में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर प्रवक्ता सुनील कुमार, प्रवक्ता अनूप शर्मा, प्रवक्ता सविता बदन, प्रवक्ता अनुपम, डीपी जाकिर हुसैन, कुलतार सिंह, लाल सुदेश, प्रियंका, आशा कुमारी व अन्य उपस्थित रहे।
शनिवार की रात बारिश के कारण विधानसभा क्षेत्र आपके कई इलाकों में काफी नुकसान देखने को मिला है। आंधी के कारण सड़क पर कई जगह पेड़ भी गिरे हैं, जिसके कारण लोगों का संपर्क टूट गया है। शाहपुर के चमड़ेरा में आसमानी बिजली गिरने से 9 बकरियों की मौत हो गई है, जिसके कारण मालिक को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम शाहपुर की ग्राम पंचायत क्यारी के गांव चमडेरा में बिजली गिरने से मचला राम की 9 बकरियां मर गई हैं। मचला राम ने बताया कि उसने शाम को बकरियों को ओढ़े में रखा था। शाम 7 बजे बिजली गिरने से उसकी बकरियों की मौत हो गई। उसने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। वहीं विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया प्रशासन को नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के आदेश दिए हैं।
जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हुए जवान अरविंद कुमार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बालकोट के शमशान घाट में किया गया। वे अपने पीछे माता, पिता, पत्नी और दो बेटियां छोड़ गए हैं। शहीद को कृषि मंत्री चंद्र कुमार, मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल, सुलाह के विधायक विपिन सिंह परमार, हिमाचल प्रदेश कृषि विकास बैंक के अध्यक्ष संजय चौहान, पूर्व विधायक जगजीवन पॉल, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी दौरान कृषि मंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार शहीद अरविंद कुमार के परिवार के साथ है। उन्होंने सरकार की ओर से हर संभव सहयोग की बात कही। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा शहीद की पत्नी को सरकारी क्षेत्र में नौकरी देने का आश्वासन दिया और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरुंह का नामांकरण शहीद अरविंद के नाम पर करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से राहत के रूप में 5 लाख परिवार को एसडीएम के माध्यम से उपलब्ध करवा दिया गया है।
शनिवार रात कांगड़ा जिला में आए तूफान ने भारी तांडव मचाया। तेज तूफान से जगह-जगह पेड़ गिर गए हैं, जिसके चलते जिला के अधिकांश इलाकों में बिजली की आपूर्ती भी बाधित हुई। वहीं, धर्मशाला पुलिस मैदान में हो रहे विरासत कार्यक्रम के मंच को भी तूफान उड़ा ले गया। तूफान के चलते पुलिस मैदान में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, लोग जान बचाने के लिए यहां-वहां भागने लगे। गनीमत रही की किसी भी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
जसवां-परागपुर के अंतर्गत पड़ते ग्राम पंचायत कडोआ के चुटाल गांव में गैस सिलेंडर में आग लगने से भारी नुकसान होने का मामला प्रकाश में आया है। गांव के अशोक कुमार पुत्र प्रीतम चंद के घर में आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ है। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड देहरा और चिंतपूर्णी को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घर में लड़की की शादी की धाम चल रही थी कि इसी बीच अचानक सिलेंडर फटने से घर में रखा सारा राशन आग की चपेट में आने से धूं-धूंकर जल गया। पीड़ित परिवार के घर कल बारात आनी थी। जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को यह घटना हुई। पंचायत प्रधान रीना कुमारी ने बताया कि इस घटना में परिवार का लगभग 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि इस परिवार की हर संभव मदद की जाए। वहीं, जानकारी मिलते ही प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। नुकसान का जायजा भी लिया जा रहा है।
प्रदेश सरकार द्वारा तंबाकू पदार्थों पर टैक्स को 3 रुपये से बढ़ाकर 4.50 रुपये करना एक सराहनीय कदम है। नाडा इंडिया फाउंडेशन ने सरकार के इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश कैबिनेट में लिया गया यह निर्णय हिमाचल सरकार की युवाओं के प्रति चिंता और स्वास्थ्य की प्रमुखता को दर्शाता है। नाडा इंडिया फाउंडेशन के हिमाचल प्रदेश के स्टेट को-ऑर्डिनेटर मंगल सिंह ने कहा कि फाउंडेशन सरकार के इस फैसले का स्वागत करती है और सरकार से यह भी आशा रखती है कि सरकार आने वाले समय में तंबाकू नियमों में राज्य स्तर पर संशोधन और कर की मात्रा बढ़ाने के लिए अग्रसर रहेगी। नाडा इंडिया फाउंडेशन के चंबा से सदस्य तपिश चंद्र ने कहा कि तंबाकू उत्पादों पर कर बढ़ाना एक सराहनीय कदम है। युवाओं को जो तंबाकू उत्पाद आसानी से उपलब्ध हो जाते हैं, उन पर रोक लगाने के लिए सरकार का यह एक बेहतरीन प्रयास है। यह फैसला प्रदेश के युवाओं के स्वास्थ्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। वहीं, नाडा इंडिया फाउंडेशन से जुड़ी एचपीयू की छात्रा रीत वर्मा ने बताया कि जब उन्होंने नाडा यंग इंडिया कैंपेन के माध्यम से युवाओं को जागरूक व धरातल स्तर पर आवाज उठाना शुरू किया था, उस समय यह लग रहा था कि शायद जीएसटी काउंसिल में ही इन उत्पादों को बढ़ाया जाएगा। परंतु विभाग के साथ मिलकर और समय-समय पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आज सरकार का हम धन्यवाद करते हैं कि वह युवाओं के स्वास्थ्य का ध्यान रख रही है। कर में बढ़ोतरी करने से सरकार के रेवेन्यू में भी बढ़ोतरी होगी। वहीं, नाडा इंडिया फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील बत्स्यान ने बताया स्वास्थ्य ही मनुष्य का सर्वोपरि सहारा है। इस तरह के फैसले लेकर सरकार युवाओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाती नजर आ रही है। तंबाकू पदार्थों पर कर बढ़ने से राज्य के राजस्व को बढ़ाने की भी यह एक अच्छी पहल है और कर के साथ-साथ युवाओं की सेहत को बचाने के लिए भी सरकार द्वारा यह निर्णय सराहनीय है। नाडा यंग इंडिया ने समय-समय पर सरकार को युवाओं के माध्यम से कर बढ़ाने के लिए प्रयास किया है, जो आगामी समय में 1 मील का पत्थर साबित होगा।
स्वास्थ्य खंड नूरपुर के तहत बरूही, रिट, अटारा, भलाख, पंदरेहड़, सदवां, सुखार, चरूडी, झिकली खन्नी, उपरली खन्नी, पुंदर, पक्का टियाला, लोहारपुरा, सिंबली, बासा (राजा का बाग), जसूर, ग्योरा और बागनी में आशा वर्कर के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बीएमओ डाॅ. दिलबर सिंह ने बताया कि उम्मीदवार अपने आवेदन पत्र 15 मई दोपहर 12 बजे तक बीएओ कार्यालय कमनाला में जमा करवा सकते हैं। चयन प्रक्रिया 24 मई को खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नूरपुर स्थित कमनाला में होगी।
पुलिस थाना धर्मशाला के तहत शिव नगर स्थित शिव मंदिर के पास पुलिस ने एक कार से 260 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपियों इंद्रजीत सिंह निवासी गांव चक मोहम्मद यार डाकघर गौंडाला तहसील आरएसपुरा जिला जम्मू और सुलखन सिंह निवासी गांव कोटली अर्जुन डाकघर कोटली शाहदौला तहसील आरएसपुरा जिला जम्मू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नूरपुर की ओर से वाया चड़ी मार्ग होते हुए एक कार में चिट्टे की सप्लाई आ रही है। पुलिस ने शिव नगर में एक कार (जेके02-बीए-6565) को रोककर जब तलाशी की तो 260 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मामले की पुष्टि करते एसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि अभी तक की जांच में पता चला है कि ये लोग चिट्टे को मैक्लोडगंज की ओर लेकर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीते दिनों इंदौरा थाने के मानद मुख्य आरक्षी अशोक की एक दुर्घटना में मौत हो गई थी। शुक्रवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन, एसपी नूरपुर अशोक रत्न, एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, वाइस चेयरमैन उद्योग विभाग विशाल चंबयाल, प्रदेश महासचिव कांग्रेस कमल किशोर, प्रधान भोपाल कटोच, बीडीसी जसवीर कटोच, कांग्रेस जिलाध्यक्ष कर्ण सिंह पठानिया सहित दिवंगत के घर पहुंचे और मृतक के परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान 4 लाख रुपये सांत्वना राशि का चैक भी विधायक मलेंद्र राजन द्वारा उन्हें प्रदान किया गया। इससे पहले विधायक मलेंद्र राजन ने मंड मियाणी में विधायक जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत पहुंचे, यहां स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने जन समस्याओं को सुना व अधिकांश का मौका पर ही निपटान किया तथा अन्य के समाधान हेतु विभागाधिकारियों को निर्देश दिए। यहां प्रदेश वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन व पूर्व जिला परिषद मुरीद हुसैन, पूर्व उप प्रधान लाल हुसैन अम्बी,प्रधान रानी देवी, उप प्रधान जोगिन्द्र सिंह, पूर्व उप प्रधान शेर अली सहित अन्य गणमान्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विकास खंड सुलह के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मरूंह के गांव चटीयाला का 33 बर्षीय अरविंद कुमार जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में शुक्रवार सुबह सुरक्षाबलों की आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हो गया। अरविंद कुमार भारतीय सेना की 9 पैरा रेजीमेंट मे पिछले 12 वर्षों से तैनात थे और श्रीनगर के कुपवाड़ा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। अरविंद अपने पीछे दो छोटी बेटियां , पत्नी और बुजुर्ग माता पिता छोड़ गए हैं। अरविंद की शहादत की खबर उसके परिजनों को शुक्रवार दोपहर बाद पता चली । खबर सुनते ही अरविंद के घर चीखो पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अरविंद की शहादत की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। वहीं रिस्तेदार व गांव के सेंकड़ों लोग अरविंद के घर उसके परिवारजनों को के ढांढस बंधाने को पहुंचे गए । अरविंद के भाई भूपेन्द्र कुमार ने बताया कि शहीद अरविंद अभी दो महीने पहले ही छूटी काट कर बापिस अपनी पोस्टिंग पर गये थे। भाई ने बताया कि उन्हें सेना की ओर से फोन पर बताया गया कि उनके भाई को गोली लगी है ओर वह घायल हैं। जब वह घर पर आए तो दोवारा फोन आया कि अरविंद की आतंकी मुठभेड़ में मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार अरबिंद की पूरी रेजिमेंट को कुपवाड़ा से पूंछ बुलाया गया था। सेना को भनक लगी थी कि उस इलाके में एक गुफा में आतंकियों का समूह छुपा हुआ है। अरविंद व उनके साथियों ने उन पर हमला किया जिस दौरान आतंकियों की गोलियों का जवाब देते हुए अरबिंद और उनके चार अन्य साथी जवान भी शहीद हो गए।अरबिंद का पार्थिव शरीर शनिबार दोपहर बाद उनके पैतृक गांव सूरी चट्टियाला पहुंचने की उम्मीद है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जसवां-परागपुर के अध्यक्ष पद पर कुशल सपेहिया की नियुक्ति की गई है। इस नियुक्ति की अधिसूचना प्रदेश महासचिव रजनीश किमटा द्वारा जारी की गई है। अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने पर जसवां-परागपुर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कुशल सपेहिया को बधाई दी है। वहीं कुशल सपेहिया ने अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, प्रभारी हिमाचल प्रदेश राजीव शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व पूर्व कामगार कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर ब्लॉक कांग्रेस को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
शिमला नगर निगम के चुनावों में मिली जीत पर कांग्रेसी नेता नरदेव कंवर ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के चुनावों में यह साबित हो गया है कि प्रदेश की जनता सुख की सरकार से पूरी तरह संतुष्ट है और आने वाले लोकसभा चुनावों में भी भाजपा का प्रदेश की चारों सीटों से सूपड़ा साफ कर देगी। नरदेव कंवर ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और जनता के हित में लिए जा रहे फैसलों से जनता का समर्थन सरकार को भरपूर तरीके से मिल रहा है। नरदेव ने कहा कि शिमला नगर निगम के चुनावों ने साबित कर दिया कि प्रदेश की जनता ने सुख सरकार को और उसके व्यवस्था परिवर्तन को पूर्ण आशीर्वाद दिया है। कांग्रेस पार्टी शिमला नगर निगम में मिली इस जीत का श्रेय प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की दूरदर्शी सोच और उनके द्वारा लिए गए सख्त निर्णय के प्रति प्रदेश की जनता का समर्थन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से आम जनता के हित को सोचकर ही नीतियां बनाई हैं और यह जीत उन नीतियों पर जनता की मुहर है।
ज्वालामुखी से विधायक संजय रत्न ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व सदैव नकारात्मक राजनीति करने में व्यस्त रहा है। जब सत्ता थी, तब काम नहीं कर पाए, अब कांग्रेस की सत्ता है तो काम में अड़ंगा डालने का प्रयास कर रहे हैं। कभी हाईकोर्ट में जा रहे हैं, कभी किसी निर्णय को चुनौती दे रहे हैं, कभी किसी पोस्ट को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले उप चुनाव में हारे, फिर विधानसभा चुनाव में और अब शिमला नगर निगम में हारकर भारतीय जनता पार्टी ने हार का हैट्रिक लगा ली है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व बेशर्म है। हार मानने के स्थान पर कभी ईवीएम को दोष दे रहे हैं, कभी वोटर को दोष दे रहे हैं तो कभी सरकार को दोष दे रहे हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व अभी भी गलतफहमी में है। उन्होंने कहा कि हम आने वाले समय में लोकसभा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयारी करेंगे। उन्होंने शिमला के कांग्रेस नेतृत्व को जीत हार्दिक बधाई है। शिमला की जनता ने कांग्रेस को 24 सीटें जीत कर दी हैं, इसके लिए जनता का आभार है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो काम नहीं कर पाई, हम करके बताएंगे और कांग्रेस ने जो वादे किए हैं, उन वादों को पूरा करेंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को कहा कि वे ख्याली पुलाव बनाते रहे और इसी प्रकार हार पर हार का सिलसिला जारी रखें।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी कांगड़ा आकाश राणा ने बताया कि सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड, आरटीए झबोला, जिला बिलासपुर ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर और सिक्योरिटी गार्ड के 150 पद (केवल पुरुष) अधिसूचित किए हैं। इन्हें भरने के लिए कांगड़ा जिले में 8 मई को उप रोजगार कार्यालय नगरोटा सूरियां, 9 को उप रोज़गार कार्यालय बैजनाथ और 10 मई को उप रोज़गार कार्यालय लंबागांव में पात्र युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार प्रातः साढ़े 10 बजे से आरंभ होंगे। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास, कद 168 सेंटीमीटर से अधिक, वजन 55 से 95 किलोग्राम के बीच तथा आयु 21 वर्ष से 37 वर्ष रखी गई है। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा प्रतिमाह 16000 से 18000 वेतनमान दिया जाएगा व उनका कार्यस्थल बद्दी, परमाणु तथा चंडीगढ़ रहेगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार कार्यालय पधार कर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। इसे लेकर अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8558062252 पर संपर्क किया जा सकता है।
राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बाथू टिप्परी में छठी हिमाचल प्रदेश स्वतंत्र एनसीसी वाहिनी की तरफ से कक्षा आठवीं और नौवीं के विद्यार्थियों में से एनसीसी कैडेट का चयन किया गया। कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राजेंद्र सैनी निर्देशानुसार यह चयन 2023-24 के लिए किया गया। इसमें 13 छात्राएं व 7 छात्र चयनित किए गए। चयन प्रक्रिया के लिए शैक्षणिक व शारीरिक योग्यता के साथ लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें निहारिका, मनत, मेहक, श्रुति, अमान, विनायक गर्ग सहित कुल 20 विद्यार्थियों का चयन आगामी 2 वर्ष के लिए किया गया। इस मौके पर सेकंड ऑफिसर सुनील कुमार, हवलदार राजेश कुमार, अजय कुमार, डीपीई सचिन देव सिंह, रविंद्र सिंह (TGT), रीटा कुमारी प्रवक्ता ये सब आयोजन में में उपस्थित रहे।
भारतीय डाक विभाग की ओर से महिला सम्मान बचत पत्र योजना शुरू की गई है, जिसमें निवेश पर 7.5 फीसदी ब्याज मिलेगा। बलवीर चंद अधीक्षक डाक देहरा मंडल की अध्यक्षता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या पाठशाला ज्वालामुखी में विशेष कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें महिला सम्मान बचत पत्र योजना के तहत विधायक संजय रतन की पत्नी व पाठशाला की महिला अध्यापकों के खाते खोले गए व अन्य योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
सरकारी कार्यालय में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को रिवॉल्वर की नोक पर डरा-धमका और गाली-गलौज कर सरकारी दस्तावेजों को जबरन उठाकर अपने साथ ले जाना पंचायत प्रधान को महंगा पड़ गया। विद्युत विभाग की शिकायत के बाद डमटाल पुलिस ने प्रधान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार खंड इंदौरा की ग्राम पंचायत शेखुपुर का प्रधान सुधीर सिंह पठानिया निवासी गांव बाईं अटारिया, जो डमटाल विद्युत उपमंडल विभाग के कार्यालय में पिछले एक माह से लगातार जाकर क्षेत्र में लगे किसी व्यक्ति के नाम पर बिजली के मीटर को कटवाकर जबरन अपने नाम पर करवाने के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव डाल रहा था। रोजाना कार्यालय में जाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को गाली-गलौज कर उन्हें अपने रिवॉल्वर दिखा डराता-धमकाता आ रहा था। डमटाल विद्युत विभाग के सहायक अभियंता ने अपने विभाग के उच्च अधिकारियों को इस विषय पर जानकारी दी थी। प्रधान का आतंक इस तरह फैला कि कई कर्मचारियों ने कार्यालय आना ही बंद कर दिया था। बुधवार को प्रधान ने कार्यालय में जाकर सहायक अभियंता के ऊपर रिवॉल्वर तान दी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए उसके टेबल पर पड़े कई सरकारी दस्तावेजों को जबरन उठा अपने साथ ले गया। विद्युत विभाग उपमंडल कार्यालय डमटाल के सहायक अभियंता तनुज मेहरा ने प्रधान के खिलाफ थाना डमटाल में प्राथमिकी दर्ज करवाई। पुलिस कार्यालय में पहुंच अपनी कार्रवाई अमल में ला रही थी कि प्रधान फिर से कार्यालय में पहुंच गया और गाली-गालौज करते हुए अधिकारियों को रिवॉल्वर दिखा डराने-धमकाने लगा। पुलिस ने प्रधान को मौके पर ही धर-दबोचा और उसे गिरफ्तार कर थाना डमटाल लाया गया।
जिला कांगड़ा की उप तहसील गंगथ में स्थित ऐतिहासिक सिद्ध पीठ बाबा क्यालु महाराज महादंगल की तैयारियां जोरों से चल रही हैं। 3 जून से 6 जून तक चलने वाले महादंगल के लिए कमेटी ने 16 अप्रैल से दान पर्ची का शुभारंभ किया था। इस बार महादंगल में करीब 1 करोड़ के नाम पहलवानों पर बरसेंगे। बाबा क्यालु महाराज को समर्पित चार दिवसीय महा दंगल में क्षेत्रीय लोगों की बेहद गहरी आस्था है। लोगों का कहना है कि मनोकामनाएं पूरी होने पर श्रद्धालु पीतल के बर्तन,गागरें, पंखे, कूलर, साइकिल, मोटरसाइकिल व नकद राशि दान में देते हैं। इसी दान के माध्यम से चार दिवसीय महादंगल में पहलवानों को पुरस्कृत किया जाता है। जानकारी देते हुए प्रबंधन सचिव महा दंगल कमेटी गंगथ सुनील गुप्ता ने बताया कि मेला 3 से 6 जून तक आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। भक्तों द्वारा अब तक कई चीजें दान में दी गई हैं। इससे महादंगल को करवाने में सहयोग मिलेगा।
डमटाल पुलिस ने नशे की बड़ी खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना डमटाल के प्रभारी कल्याण सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि छन्नी बेली में व्यक्ति द्वारा भारी मात्रा में नशे का कारोबार किया जा रहा है, जिस पर पुलिस टीम ने छापेमारी की छापेमारी के दौरान 5 किलो 286 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया। व्यक्ति की पहचान राज कुमार पुत्र रमेश कुमार निवासी छन्नी तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर मादक द्रव्य व प्रभावी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोक निर्माण विभाग फतेहपुर में विश्वजीत शर्मा ने बतौर एक्सईएन कार्यभार संभाल लिया है। विश्वजीत शर्मा ने बताया उनका मुख्य उद्देश्य फतेहपुर की स्थिति बेहतर करना है। फतेहपुर में चल रहे दो बड़े प्रोजेक्ट मिनी सचिवालय व रे डिग्री कॉलेज के भवन के निर्णाण कार्य को समयबद्द पूरा करना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। उनके फतेहपुर में पदभार ग्रहण करने पर विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों व विभागीय कांट्रैक्टरों द्बारा उनका स्वागत किया गया। सनद रहे नवनियुक्त एक्सईएन करीब 5 वर्ष पूर्व फतेहपुर में ही बतौर एसडीओ कार्य कर चुके हैं, जिसके चलते वो क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों से भली भांति परिचित हैं, जिसका फायदा भी क्षेत्र को मिल सकता है।
डाडासीबा-ढलियारा मार्ग पर आरा चौक में सड़क के किनारे ऑप्टिकल फाइबर केबल डालने के लिए सड़क उखाड़ी जा रही है। स्थानीय लोगों कुलदीप सिंह, ललित, विशाल, अशोक कुमार, बलवंत सिंह, शामलाल व सुशील कुमार ने बताया बुधवार देर रात को जेसीबी की सहायता से इस सड़क को उखाड़ा जा रहा था। खुदाई से पेयजल की पाइप टूट गई, जिससे 20 परिवारों को वीरवार शाम तक पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। उन्होंने आरोप लगाया कांट्रेक्टर रात के अंधेरे में सड़क के किनारे खुदाई करवा रहा है, जिससे सड़क को भी काफी मात्रा में नुकसान हो रहा है। वहीं, इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग डाडासीबा के एसडीओ राजन कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया जेई की ड्यूटी लगाई गई है। अगर ठेकेदार जेसीबी से खुदाई करना बंद नहीं करता है तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी। उधर, अधिशासी अभियंता परागपुर सुमेश राज धीमान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि जेसीबी से जल शक्ति विभाग की पेयजल लाइन को काफी क्षति पहुंची है। मौके पर पाइपलाइन को जोड़ने के लिए कर्मचारी भेजे गए हैं।
जिला ऊना के रायपुर सहोड़ा में आईओसी प्लांट परिसर में ट्रक आपरेटरों के धरने की कवरेज कर रहे ऊना के पत्रकारों पर किए गए हमले की पूर्व मीडिया कोर्डिनेटर-टू-सीएम व वर्तमान में धर्मशाला बार एसोसिएशन के प्रवक्ता विश्व चक्षु ने कड़ी निंदा की है। पूर्व मीडिया कोर्डिनेटर (मुख्यमंत्री) विश्व चक्षु ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि इस मामले में पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएं, जिससे भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो तथा मीडिया कर्मी निर्भिक होकर समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। विश्व चक्षु ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा संतभ है और मीडियाकर्मियों के साथ ऐसी हरकतें कतई बर्दास्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस संबंध में जल्द उचित कदम नहीं उठाती है, तो भाजपा की ओर से इस मामले में आवाज उठाई जाएगी। एडवोकेट विश्व चक्षु ने कड़ी निंदा करते हुए मामले पर गंभीरता से निपटने की बात रखी है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के सचिव एवं मीडिया कॉआर्डिनेटर पुनीत मल्ली ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व कांग्रेस सरकार पर जनता का विश्वास मजबूत हुआ है, जिसका उदाहरण जनता ने शिमला नगर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी कर दिया है। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में भाजपा नेता आए दिन कांग्रेस सरकार के खिलाफ जो घटिया बयानबाजी कर रहे थे उसका जबाव भी जनता ने भाजपा नेताओं को दे दिया है। उन्होंने कहा कि दस सालों के बाद पार्टी सिंबल पर हुए नगर निगम के चुनाव में जनता ने ऐतिहासिक जीत दी है, जिससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनता कांग्रेस सरकार के प्रति क्या सोच रखती है। मल्ली ने कहा इन चुनावों में भाजपा की धन बल की राजनीति काम नहीं आई।
बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर जैन धर्म के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त आचार्य लोकेश के नेतृत्व में विभिन्न धर्मों के धर्माचार्यों ने बौद्ध धर्म के सर्वोच्च धर्मगुरु दलाई लामा से धर्मशाला स्थित मुख्यालय में भेंट कर बुद्ध पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शाल, माला व प्रतीक चिन्ह भेंट कर दलाई लामा का सम्मान किया। इस अवसर पर दलाई लामा ने कहा कि भगवान बुद्ध और भगवान महावीर दोनों एक ही मां की संतानें हैं। उन्होंने कहा भारत भूमि पर जन्म लेकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, बुद्ध, महावीर, नानक व अनेक महापुरुषों ने विश्व को प्रेम व भाईचारे की राह की दिखाई है। दलाई लामा ने कहा भगवान बुद्ध की करुणा व भगवान महावीर का अहिंसा दर्शन के बताए मार्ग से ही विश्व में शांति, सद्भावना की स्थापना हो सकेगी।
पुलिस थाना रक्कड़ के तहत ग्राम पंचायत बणी में वीरवार को सदवां सड़क पर एक गाड़ी असंतुलित होकर पुली से लगभग 10 फ़ीट गहरे नाले में उतर गई। उक्त गाड़ी देहरा की तरफ से आ रही थी और नादौन की ओर जा रही थी। हादसे में गाड़ी को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, गाड़ी में सवार 4 लोगों में से दो को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज हेतु नजदीकी अस्पताल में एम्बुलेंस के माध्यम से लेकर जाया गया है, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गाड़ी के आगे मवेशी आने की वजह से यह हादसा हुआ है। वहीं इस संदर्भ में थाना प्रभारी रक्कड़ गुरदेव सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की तफ़्तीश कर रही है। खबर लिखे जाने तक कोई भी मामला दर्ज नहीं किया गया है।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए फोर्टिज हॉस्पिटल कांगड़ा के एमएस एसएस परमार ने कहा कि अस्पताल में हिमकेयर कई जनरल सेवाएं शुरू कर रहे हैं। पहले ऑर्थो, कार्डियोलॉजी व जनरल सर्जरी की सुविधा हिमकेयर में शुरू की थी। लेकिन अब हिमकेयर के तहत अन्य विभागों में भी लोगों को ईलाज की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्वालिटी स्वास्थ्य सुविधाएं फोर्टिज कांगडा की ओर से लोगों को उपलब्ध करवाई जाएगी। फोर्टिज के एमएस एसएस परमार ने कहा कि अब जनरल मेडिसन को शुरू करने से आम बीमारियों से ग्रसित लोगों का अच्छा ईलाज मिल पाएगा। उन्होंने बताया कि किडनी, बीपी, शुगर सहित अन्य सभी बीमारियों कप शामिल कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए हॉस्पिटल की ओर से आईसीयू बेड की क्षमता भी बढ़ाई गई है। अब हिमकेयर का मरीज आने पर उनका फोर्टिज में सही से ईलाज करने को विशेषज्ञों की टीम भी उपलब्ध रहेगी। जिससे 24 घंटे 365 दिनों में एडमिट होने बाद पूरी तरह कैशलेस सुविधा उपलब्ध रहेगी।
प्रदेश की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकारी सहयोग की बहुत आवश्यकता है। प्रदेश के प्रसिद्ध युवा पहाड़ी व भजन गायक सौरव शर्मा का कहना है कि पारंपरिक लोक संस्कृति को गायन के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने के लिए आज के युवा कलाकारों की अहम भूमिका है, ऐसे में सरकार को भी इसमें सहयोग करना चाहिए। सौरव शर्मा ज्वालामुखी उपमंडल के निवासी हैं, जिनके अपने 10 से ऊपर ऑडियो व वीडियो बन चुके हैं। इनके कई गीत काफी प्रसिद्ध हुए हैं। उनका माता का भजन जो कि पहाड़ी भाषा में गया है। घर मेरा निक्का जया 2 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर चुका है। इसके अलावा प्रदेश में होने वाले विभिन्न उत्सवों में भी वह अपनी प्रस्तुति दे चुके में कदम उठाने ही चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द लोक गायकों का एक बड़ा समूह मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू से भी मिलेगा, ताकि हिमाचल की लोक सांस्कृति को ओर भी ज्यादा बढ़ावा मिले। आज विभिन्न कलाकार, जो कि हिमाचली भाषा में भजन गाने गा रहे हैं। उन्हें जनता द्वारा खासा प्यार दिया जा रहा है। श्रोता भी लोक गायन सुनना पसंद करते हैं। इसलिए सरकार इस पर कदम उठाएं।
हिमाचल प्रदेश की दूसरी राजधानी धर्मशाला स्थित रीजनल फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री नॉर्दन रेंज आईटी संबंधी मामलों की जांच पड़ताल के लिए नोटिफाइड है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी मंत्रालय के अधिकारी हर वर्ष इस लैब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हैं। उसी के आधार पर निर्णय लिया जाता है कि लैब को जारी रखना है या नहीं। हाल ही में केंद्रीय टीम के अधिकारियों ने RFSL धर्मशाला का दौरा कर मैन पॉवर सहित अन्य कमी को उजागर किया था, जिसे लैब अधिकारियों ने दूर कर दिया है, जिस पर केंद्रीय टीम के अधिकारियों ने इस नोटिफाइड लैब को जारी रखने को कह दिया है। हिमाचल प्रदेश डायरेक्टरेट ऑफ फॉरेंसिक साइंस सर्विसेज की रीजनल फॉरेंसिक साइंस लैब धर्मशाला पहली है, जोकि आईटी संबंधी मामलों की जांच पड़ताल के लिए अंडर सेक्शन 79ए आईटी एक्ट 2000 में नोटिफाइड है। वर्ष 2019 में आरएफएसएल धर्मशाला को आईटी संबंधी मामलों की जांच के लिए नोटिफाइड किया गया था। आरएफएसएल धर्मशाला की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मीनाक्षी महाजन ने कहा कि आरएफएसएल लैब में हर वर्ष भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के अधिकारी 2 दिन के दौरे पर आते हैं। केंद्रीय अधिकारियों की टीम द्वारा लैब में इंफ्रास्ट्रक्चर व सुविधाओं को परखा जाता है। इसी के आधार पर अधिकारी भारत सरकार को रिपोर्ट प्रेषित करते हैं कि लैब को जारी रखना है या नहीं।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर के एनएसएस यूनिट ने गुरुवार को परिसर के सभागार भरतमंडल में परिसर प्रभारी निदेशक डॉ. विजेंद्र कुमार शर्मा के निर्देशन में अखिल भारतीय संयोजक पर्यावरण संरक्षण गतिविधि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से गोपाल आर्य ने पर्यावरण आधारित जीवन पद्धति विषय पर विशिष्ट व्याख्यान देकर परिसरीय सदस्यों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने व्याख्यान में कैमिकल युक्त वस्तुएं एवं प्लास्टिक का प्रयोग न करने का निवेदन किया। इस कार्यक्रम में बतौर विशिष्टतिथी डॉ. विपिन गुलेरिया (प्रधान वैज्ञानिक क्षेत्रीय वानिकी अनुसंधान केंद्र नूरपुर) ने शिरकत की। कार्यक्रम की संयोजिका परिसरीय प्राध्यापिका डॉ. प्रतिज्ञा आर्या रहीं। मंच संचालन का कार्य डा. शक्तिशरण शर्मा ने किया। इस कार्यक्रम में डॉ. मनोज श्रीमाल, डॉ. श्याम बाबू, डॉ. पुरुषोत्तम, अमित वालिया, डॉ. मनीष कुमार, डॉ. हरि ओम, डॉ. मुकेश शर्मा,अमर चंद, डॉ. रवि शास्त्री, डॉ. सत्यनारायण, डॉ.यज्ञदत्त आदि स्थित परिसर के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी, एवं समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभा का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ।
नगर निगम पालमपुर के वार्ड दो के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस की राधा सूद ने जीत दर्ज करवाने के साथ ही इस सीट पर कब्जा बरकरार रखा है। बीजेपी को एक बार फिर इस वार्ड में हार का सामना करना पड़ा है। दो मई को हुए मतदान के बाद गुरुवार को मतगणना की गई। मतगणना में कुल 1036 मतों में से राधा सूद को 739 मत प्राप्त हुए, जबकि बीजेपी की रेनू कटोच को 288 मत प्राप्त हुए। इस तरह कांग्रेस कैंडिडेट राधा सूद ने इस सीट को 451 मतों के अंतर से जीत लिया। वर्ष 2021 में हुए चुनाव में भी कांग्रेस कैंडिडेट ने इस वार्ड से जीत दर्ज की थी।
मई में लगातार हो रही बेमौसमी बारिश से एचपीसीए और यहां खेलने वाली टीमों की चिंता बढ़ सकती है। अभी धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मैचों के करीब दो हफ्ते का समय है। 17 और 19 मई को यहां आईपीएल मैच खेले जाने हैं। कांगड़ा जिले में लगातार बारिश हो रही है। मैच के दौरान बारिश न हो, इसके लिए सात मई को एचपीसीए के पदाधिकारी खनियारा स्थित इंद्रुनाग देवता के मंदिर में शीश नवाएंगे। इंद्रुनाग को बारिश का देवता माना जाता है। माना जाता है कि क्षेत्र में जितने भी छोटे-बढ़े आयोजन होते हैं तो इंद्रुनाग देवता से बारिश न होने के लिए पूजा-अर्चना की जाती है। सचिव अवनीश परमार ने कहा कि 7 मई को पूजा-अर्चना के साथ मंदिर में भंडारा होगा और कन्या पूजन भी करवाया जाएगा। इससे पहले 19 फरवरी को भी पूजा की जा चुकी है।
डाक विभाग की ओर से महिलाओं के लिए महिला सम्मान बचत पत्र योजना शुरू की गई है। यह जानकारी आज यहां अधीक्षक डाकघर सोलन मंडल राम देव पाठक ने दी। राम देव पाठक ने कहा कि महिला सम्मान बचत पत्र योजना की अवधि दो वर्ष है और इस योजना के अंतर्गत निवेश पर 7.5 प्रतिशत ब्याज प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत कोई भी महिला तथा अव्यस्क बालिका न्यूनतम एक हजार रुपये से लेकर अधिकतम 2 लाख रुपये तक की राशि का निवेश कर सकती है। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान बचत पत्र योजना के तहत तीन माह के अंतराल में कई खाते खोले जा सकते है, किंतु अधिकतम निवेश की सीमा 2 लाख रुपये ही रहेगी। योजना के तहत ब्याज तिमाही के आधार पर समायोजित कर खाते में जमा किया जाएगा। राम देव पाठक ने कहा कि योजना में एक वर्ष के उपरांत जमा राशि के अधिकतम 40 फीसदी की निकासी का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि खाता खोलने की तिथि के 6 माह के उपरांत खाता बंद भी किया जा सकता है, ऐसा करने पर योजना की देय ब्याज राशि घटकर 5.5 प्रतिशत रह जाएगी। उन्होंने कहा कि इच्छुक महिलाएं अपना आधार कार्ड, पासपोर्ट साईट फोटो और फोन नंबर सहित अपने नज़दीक डाकघर में योजना के लिए खाता खुलवा सकती हैं। राम देव पाठक ने कहा कि महिला सम्मान बचत पत्र योजना में आवेदन के लिए सभी महिलाएं पात्र हैं। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए डाकघर सोलन मंडल सपरून के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01792-220521 पर संपर्क किया जा सकता है।
धर्मशाला की दो बहनों ने राष्ट्र स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में सिल्वर पदक जीता है। जानकारी देते हुए बॉयज स्कूल धर्मशाला के प्रधानाचार्य संजय मोगू ने बताया कि स्कूल की इन छात्राओं ने चंडीगढ़ में ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भाग लिया। चैंपियनशिप में भारत व नेपाल की टीमों ने भाग लिया, जिसमें इन दोनों बहनों मालवी व मानवी के द्वारा सिल्वर मेडल प्राप्त कर प्रदेश व स्कूल का नाम रोशन किया गया है, जो कि हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इन दोनों बहनों ने कई मेडल जीतकर स्कूल एवं अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। इससे समाज को यह संदेश जाता है कि लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मालवी चौहान अब फ्रांस में होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय पैराओलंपिक में अपनी प्रतिभा दिखाएंगीं।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के बठरा गांव के अमित कुमार राणा भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं। अमित की इस नियुक्ति के उपरांत क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। अमित राणा पुत्र शशि पॉल राणा ने अपनी ग्रेजुएशन चंडीगढ़ विश्विद्यालय मोहाली से की है। जहां उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। भारतीय सेना के प्रति गहरा लगाव और अपनी मेहनत की वजह से आज वे लेफ्टिनेंट बन गए हैं। अमित ने 29 अप्रैल को चेन्नई में अपनी ट्रेनिंग पूरी की थी। बताते चलें कि अमित कुमार राणा के पिता शशि पॉल राणा केंद्रीय सेवा कर विभाग चंडीगढ़ में एक प्राशसनिक अधिकारी के तौर पर कार्य कर रहे हैं तथा उनकी माता अनिता कुमारी एक गृहिणी हैं।
सिंथेटिक स्टेडियम धर्मशाला में में जिला स्तरीय एथलेटिक मीट का आयोजन सात मई को होगा। जिला कांगड़ा एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम चौधरी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में अंडर-14 लड़के व लड़कियों के लिए 60 व 600 मीटर रेस व शॉटपुट के मुकाबले होंगे। वहीं अंडर-16 लड़के व लड़कियों के लिए 100, 300, 1000 मीटर रेस और शॉटपुट प्रतियोगिता होगी। वहीं अंडर-18 लड़के व लड़कियों के लिए 100, 200, 400, 800, 1500, 3000 मीटर रेस और शॉटपुट, अंडर-20 लड़के व लड़कियों के लिए 100, 200, 400, 800, 1500, 5000 और 10000 मीटर रेस का आयोजन होगा। वहीं शॉटपुट पुरुष व महिला वर्ग में 100, 200, 400, 800, 1500, 5000 और 10000 मीटर रेस व शॉटपुट प्रतियोगिताएं होंगी। प्रतियोगिता में जो खिलाड़ी भाग लेना चाहते हैं, वह सुबह नौ बजे तक अपनी किट व आयु प्रमाण पत्र व 100 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस के साथ इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। इस प्रतियोगिता के आधार पर ही जिला कांगड़ा की टीम का चयन किया जाएगा, जो 21-22 मई को बिलासपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला कांगड़ा की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रमाण पत्र दिए जाएंगे।
क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी, कांगड़ा आकाश राणा ने बताया कि अरिहंत स्पिनिंग मिल्स (वर्धमान टेक्सटाइल की एक इकाई), इंडस्ट्रियल एरिया - मलेरकोटला, पंजाब ने ट्रेनीज के 100 पद अधिसूचित किए हैं। इनमें 40 पद पुरुष तथा 60 पद महिला उम्मीदवारों के लिए हैं। इन्हें भरने के लिए क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय धर्मशाला में 4 मई को पात्र युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार प्रातः साढ़े 10 बजे से आरंभ होंगे। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता आठवीं से बारहवीं, कद कम से कम 4 फुट 10 इंच या इससे अधिक, वजन कम से कम 40 किलोग्राम तथा आयु 18 से 25 वर्ष रखी गई है। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा ट्रेनिंग अवधि के दौरान दो महीने तक 8540 रुपये, अगले 2 महीने ट्रेनिंग अवधि के दौरान 9060 रुपये तथा 4 महीने बाद 11 हजार 110 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार कार्यालय पधार कर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। इसे लेकर अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8146626174 पर संपर्क किया जा सकता है।
उपमंडल ज्वालामुखी के अंतर्गत द्रंग पंचायत में मंगलवार को उप प्रधान के पद पर उप चुनाव का आयोजन हुआ। इस चुनाव में 4 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की थी, जिसमें ओम प्रकाश,चमन गोस्वामी, दीप चंद, विजय कुमार चुनाव में उम्मीदवार थे। इस उप चुनाव में कुल 869 मत पड़े, जिसमें 5 मत अस्वीकृत व 3 मत नोटा को पड़े हैं। शेष 861 मत उम्मीदवारों को पड़े। इस उप चुनाव में ओम प्रकाश विजयी रहे, जिन्हें 435 मत पड़े। दूसरे नंबर पर चमन गोस्वामी, जिन्हें 371 मत, दीप चंद को 22, विजय कुमार को 33 मत पड़े हैं। जीतने के उपरांत स्थानीय लोगों द्वारा माता की चुनरी देकर ओम प्रकाश को सम्मानित किया गया। वहीं, ढोल-नगाड़ों के साथ जीत की खुशी मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ज़िला कांगड़ा के पालमपुर में हेलीपोर्ट के निर्माण के लिए पर्यटन विभाग को भूमि हस्तांतरित कर दी गई है तथा इस सम्बंध में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शीघ्र ही तैयार कर दी जाएगी। हेलीपोर्ट के लिए प्रस्तावित 82 कनाल भूमि चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में स्थित है जो पालमपुर शहर से 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। उन्होंने कहा कि हेलीपोर्ट के निर्माण पर लगभग 9 करोड़ रुपए व्यय किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पालमपुर को सूचना प्रौद्योगिकी हब के रूप में विकसित कर रही है तथा इस हेलीपोर्ट के माध्यम से ज़िला कांगड़ा में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
भारतीय सेना की वीरता और सैनिकों की शौर्य स्मृति को समर्पित राज्य शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय धर्मशाला जल्द ही नए स्वरूप में दिखेंगे। सुंदरीकरण के साथ इनका कायाकल्प होगा, जिससे इन्हें अधिक आकर्षक बनाने के साथ-साथ देश भर से आने वाले पर्यटकों के लिए एक यादगार स्थल के रूप में इनकी पहचान को और बढ़ाने का लक्ष्य सधेगा। जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने सोमवार सायं को प्रशासनिक अमले के साथ राज्य शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय का दौरा कर वहां निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने राज्य शहीद स्मारक मेमोरियल सर्विस एवं विकास सोसायटी धर्मशाला के पदाधिकारियों के साथ वहां प्रत्येक निर्माण गतिविधि का निरीक्षण किया और कार्यों को समयबद्ध पूरा करने तथा गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस दौरान पदाधिकारियों ने उन्हें स्मारक के सुंदरीकरण के कार्यों और आगे की विकास योजना का ब्योरा दिया। जिलाधीश ने कहा कि राज्य शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय भारतीय सेना और सैनिकों के प्रति हमारे कृतज्ञ भावों के जीवंत दस्तावेज हैं। यह लोगों को उनकी पुण्य स्मृति को नमन करने तथा नई पीढ़ी के लिए अपने गौरवमयी इतिहास का परिचय पाने के पावन स्थल हैं। इसलिए इन स्थलों के सुंदरीकरण और जनभावनाओं के अनुरूप यहां सुविधाओं के विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इस पर करीब 55 लाख रुपये व्यय किए जाएंगे। डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि हमारा प्रयास है कि यहां आना लोगों के लिए एक यादगार अनुभव बने। इसलिए राज्य शहीद स्मारक और युद्ध संग्रहालय में भ्रमण को पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक तथा सुरुचिपूर्ण बनाने की दृष्टि से काम किया जा रहा है। इसके अलावा यहां पर्यटकों के लिए प्रसाधन कक्ष, बेहतर पार्किंग व्यवस्था समेत अन्य सभी सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में भी कदम उठाए गए हैं। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल, एसडीएम धर्मशाला धर्मश रमोत्रा, राज्य शहीद स्मारक मेमोरियल सर्विस एवं विकास सोसायटी धर्मशाला के अध्यक्ष केकेएस डडवाल सहित अन्य पदाधिकारी तथा वन, लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पिछली सरकार ने भले ही सीएचसी इंदौरा का दर्जा बढ़ाकर इसे सिविल अस्पताल का कर दिया गया है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर यहां आज तक कुछ नहीं बदला है। टेस्ट सुविधा तो क्रसना लैब खुलने से हो गई है, किन्तु एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड की आज भी कोई सुविधा अस्पताल में उपलब्ध नहीं हो पाई। रेडियोलॉजीस्ट का पद पिछले लंबे समय से हास्पिटल में खाली चला है, जिस कारण लोगों को निजी अस्पताल व निजी लैबों में जाकर एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ता है। गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए निजी हॉस्पिटल पठानकोट या सिविल हॉस्पिटल नुरपुर जाना पड़ता है। सिविल हॉस्पिटल नुरपुर में भी अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए 15 से 20 दिन का समय दिया जाता। इसके चलते महिलाओं को काफी परेशानियां झेलनी पड़ती है। राहुल, राजेश, प्रिया, सुमित ने वर्तमान प्रदेश से गुहार लगाई है कि 40 पंचायतों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने वाले इंदौरा हस्पताल की भी सुध ले। ज्यादा सुविधा नहीं तो रेडियोलॉजिस्ट अल्ट्रासाउंड की सुविधा हॉस्पिटल में उपलब्ध करवाएं, जिससे कि गर्भवती महिलाओं वह लोगों को परेशानियों का सामना न करना पडे व डाक्टर सही से इलाज कर सके। सरकार लोगों के हितों के लिए करेगी कार्य : विधायक इस संदर्भ में जब इंदौरा के वर्तमान विधायक मलेन्द्र राजन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पहले भी हम हॉस्पिटल की सुविधाओं के लिए मुद्दा उठाते रहे हैं। कुछ दिनों पहले विधायक बनने के बाद हॉस्पिटल का निरीक्षण किया था। जो-जो सुविधाएं हॉस्पिटल में होनी चाहिए, उसके लिए बीएमओ से बात की थी। जल्द से जल्द हॉस्पिटल में सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। लोगों को सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए किए जा रहे प्रयास : बीएमओ बीएमओ इंदौरा संदीप महाजन का कहना है कि लोगों को एक्सरे व अल्ट्रासाउंड संबंधित सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले में वर्तमान सरकार व विभाग के उच्च अधिकारियों से बात की गई है हमारा प्रयास है कि जल्द से जल्द हॉस्पिटल में रेडियोलॉजीस्ट व अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।
जिला कांगड़ा बार एसोसिएशन स्थित धर्मशाला के वार्षिक चुनाव जिला न्यायिक परिसर धर्मशाला में आज एडवोकेट कमल किशोर शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुए। इसमें लगातार सातवीं बार तरुण शर्मा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कुल 163 मत प्राप्त करके फिर से अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमाया है। इसके अलावा बार एसोसिएशन धर्मशाला के उपाध्यक्ष के पद पर भारती कालिया ने 180 मत प्राप्त कर चुनाव जीता। वहीं महासचिव पद पर आशु पटियाल ने 174 मत प्राप्त करके पद अपने नाम किया है। वही सह सचिव के पद पर अमन पॉल ने 165 मत प्राप्त करके जीत हासिल की है। अध्यक्ष तरुण शर्मा ने कहा कि अधिवक्ताओं के हितों के लिए काम किया जाएगा। जबकि हाई कोर्ट का सर्किट बेंच बनाने की बात जोर शोर से उठाई जाएगी।
पुलिस मैदान धर्मशाला में 3 अप्रैल से 7 मई तक चलने वाले विरासत फेस्टिवल में दिव्यांग बच्चों के हाथों से बने बांध के उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हैं। फेस्टिवल में धर्मशाला सूर्य उदय चेरिटेबल ट्रस्ट के दिव्यांग बच्चों ने बांस व चीड़ की पत्तियों से बनाए उत्पादों को सजाया है, जोकि हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र बना है। बताते चलें कि धर्मशाला में होने वाले फेस्टिवल दिव्यांगों की प्रतिभा को पहचान दिलाने महत्वपूर्ण योगदान अदा करते हैं। ट्रस्ट के दिव्यांग बच्चों ने धर्मशाला ब्लॉक कार्यालय के माध्यम से बांस के उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण लेने के बाद इन उत्पादों को तैयार किया जाता है। जिन्हें विरासत फेस्टिवल में सजाया जा रहा है। जानकारी देते हुए सूर्य उदय चेरिटेबल ट्रस्ट में कार्यरत रेखा देवी ने कहा कि स्टोल में ट्रस्ट के स्पेशल बच्चों के हाथों से बने बांस व चीड़ की पत्तियों से बनी वस्तुएं सजाई गयी हैं। उन्होंने कहा कि स्पेशल बच्चों द्वारा इन उत्पादों को दो तीन दिन में बनाकर तैयार किया जाता है। रेखा ने कहा कि स्पेशल बच्चों द्वारा बनाए बांस के उत्पादों को लोगों द्वारा खूब पसंद किया जाता है और इन्हें खरीदने में भी दिलचस्पी दिखाते हैं। रेखा का कहना है कि उत्पादों को तैयार करने से पहले बच्चों को प्रशिक्षण भी दिलाया जाता है उसके बाद ही उत्पादों को प्रदर्शनी में सजाया जाता है।
कांगड़ा के इंदौरा क्षेत्र से संबंध रखने वाले हिमाचली गायक बंटी इंदौरीया का नया गाना "हाय काम रिस्की" उनके यू-ट्यूब चैनल पर रिलीज हो गया है, जिसको लिखा और गाया बंटी इंदौरीया ने है और म्यूजिक रोहनी डोगरा ने दिया है। हिमाचल के फेमस म्यूजिक डायरेक्टर राजीव नेगी द्वारा इसे विडियो दिया गया है और एकलव्य, नीलू , कुलबीनदर, तनुजा ,रूपाली और बहुत सारे फेमस चेहरों ने इसमें अभिनय किया है। जनता द्वारा भी इस गाने को काफी प्यार दिया जा रहा है।
सचिव शिक्षा डॉ. अभिषेक जैन ने आज शनिवार को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सभागार में बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। इस मौके बोर्ड के अध्यक्ष और उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल तथा सचिव स्कूल शिक्षा बोर्ड डॉ. विशाल सहित बोर्ड के सभी अधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. अभिषेक जैन ने शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों से उनके कार्यों का ब्योरा लेते हुए, शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम को तैयार करते समय बच्चों का समग्र विकास ही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। टॉपर्स को दिए जाएं मेडल उन्होंने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में दसवीं और बारहवीं कक्षा में शिक्षा बोर्ड के टॉपर्स को मेडल देकर सम्मानित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो मेधावी बच्चें वर्ष भर मेहनत करके स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करते हैं, उनका सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बोर्ड स्कॉलरशिप तो देता ही है लेकिन राज्य स्तर पर एक कार्यक्रम आयोजित कर टॉपर्स को बोर्ड द्वारा अच्छे मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया जाए। उन्होंने इस कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को बुलाने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। अन्य राज्यों के मॉडल किए जाएं स्टडी सचिव शिक्षा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड को अपनी सार्थकता और गुणवत्ता बढ़ाने की ओर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें देश के अन्य स्कूल बोर्डस् को स्टडी कर उनमें से श्रेष्ठ चीजों को अपने पाठ्यक्रमों और व्यवस्थाओं को अपनी कार्यप्रणाली में सम्मिलित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के समग्र विकास के लिए उन्हें योग, सांस्कृतिक पहलू, भाषा, खेल-कूद और हिमाचल से जुड़ी जानकारी उपलब्ध हो इसके लिए भी पाठ्यक्रम में प्रयास करने चाहिए। परीक्षाओं से जुड़े कामों में बरती जाए पारदर्शिता उन्होंने कहा कि बच्चें बोर्ड परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए वर्षभर कड़ी महनत करते हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं से जुड़े सभी कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के भविषय को लेकर सजग है और उनसे जुड़े पहलुओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहनीय नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर सेटिंग और पेपर चेकिंग की व्यवस्था में पारदर्शिता का पूरा ध्यान दिया जाए। साथ ही निरंतर इस प्रक्रिया में रोटेशन की जाए। उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं से संबंधित कहीं भी कोई सुधार की आवश्यकता हो तो उसे तुरंत करें। इन बातों पर दिया जाए ध्यान डॉ. जैन ने कहा कि समय के साथ शिक्षा बोर्ड को अपनी कार्यप्रणाली में भी कुछ आवश्यक बदलाव करने चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में कार्यों को करने के लिए सब्जेक्टिविटी से ज्यादा ओब्जेक्टिविटी पर बल दें। उन्होंने कहा कि इसके साथ तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग कर डिजिटाइजेशन की ओर बढ़ें।


















































