फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन ज़िला लोक संपर्क अधिकारी सोलन ईश्वर दास राणा आज 35 वर्ष 05 माह 08 दिन के कार्यकाल के उपरांत सेवानिवृत्त हो गए। उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से स्वैच्छिक सेवानिवृति ली है। ईश्वर दास राणा ने सूचना एवं जन संपर्क विभाग में जिला सिरमौर स्थित नाहन से लिपिक के पद पर 22 जनवरी, 1987 से अपना कार्य आरंभ किया तथा इस पद पर रहते हुए उन्होंने हमीरपुर, किन्नौर इत्यादि ज़िला में अपनी सेवाएं दी। इसके उपरांत वर्ष 2002 में वरिष्ठ सहायक के पद पर पदोन्नत होने पर ज़िला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय हमीरपुर, ऊना, बिलासपुर में कार्य किया। उन्होंने वर्ष 2011 में सहायक लोक संपर्क अधिकारी के पद पर पदोन्नत होने पर ज़िला सिरमौर के राजगढ़, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू में अपनी सेवाएं दी। ईश्वर दास राणा ने बतौर ज़िला लोक संपर्क अधिकारी सोलन में मई, 2022 से सेवानिवृत्ति तक सोलन में अपनी सेवाएं दी। सूचना एवं जन संपर्क विभाग के निदेशक हरबंस ब्रसकॉन ने सेवानिवृत्ति पर ईश्वर दास राणा को शुभाकामनाएं प्रेषित की और उनके सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। जिला लोक संपर्क अधिकारी सोलन के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने ईश्वर दास राणा के सुखद जीवन की कामना की और उन्हें भावभीनी विदाई दी।
हरवर्ष की तरह इस वर्ष भी एसवीएन स्कूल कुनिहार की दसवीं कक्षा का बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतरीन रहा। पाठशाला में प्रथम स्थान पाने वाली छात्रा सिमरन ने 700 में से 670 अंक प्राप्त किए। 627अंक प्राप्त कर यशिता ने द्वितीय स्थान हासिल किया और 622 अंक लेकर खुशबू ने पाठशाला में तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त 611 अंक लेकर पियूष ने चौथा स्थान हासिल किया है। इस मौके पर स्कूल के प्रिंसिपल टीसी गर्ग ने बच्चों व उनके अभिभावकों और स्कूल के कर्मठ अध्यापकों को अपनी ओर से बधाई व शुभकामनाएं दी। टीसी गर्ग ने बेहतरीन परीक्षा परिणाम हासिल करने पर छात्र छात्राओं को आशीर्वाद व भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार की दसवीं कक्षा की छात्रा भव्या सिंह ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसकी जानकारी देते हुए विद्यालय अध्यक्ष ने बताया कि विद्यालय के लिए बहुत गर्व की बात है I विद्यालय अध्यक्ष ने कहा की छात्रा भव्या सिंह ने 673 (96.14%) अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, एडविल ने 653(93.29%) अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान, कशिश मेहता व शिवांश शर्मा ने 652(93.14%) अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए विद्यालय अध्यक्ष ने बच्चों और उनके अभिभावकों को बधाई दी I विद्यालय प्रधानाचार्य अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तंवर व सभी सदस्यों ने अच्छे परीक्षा परिणाम के लिए सभी बच्चों तथा उनके अभिभावकों को बधाई दी हैI
एचआरटीसी की साधारण बसों में प्रदेश के भीतर महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत की छूट आरंभ फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि महिलाओं का सम्मान प्रदेश सरकार की पहचान है और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा कार्यान्वित की जा रही योजनाएं अपने उद्देश्य में सफल हो रही हैं। डॉ. सैजल आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा कांगड़ा जिला के धर्मशाला से ‘नारी को नमन’ के तहत प्रदेश पथ परिवहन निगम की साधारण बसों में महिलाओं के लिए आधा किराया योजना का शुभारंभ करने के उपरांत सोलन में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री द्वारा ‘नारी को नमन’ योजना के शुभारंभ को प्रदेश के अन्य जिलों के साथ-साथ सोलन जिला में भी वर्चुअल माध्यम से लाइव देखा गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सोलन जिला के डांगरी की रहने वाली पिंकी देवी से वर्चुअल माध्यम से बातचीत की। पिंकी देवी ने इस अवसर पर योजना के शुभारम्भ के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर परिवहन निगम की बस में पिंकी देवी का पुष्प भेंट कर सम्मान किया और गंतव्य स्थल के लिए आधे किराए की टिकट प्रदान की। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश की महिलाओं के लिए आज का दिन विशेष है। किराए में 50 प्रतिशत छूट महिलाओं को अनेक सम्बल प्रदान करेगी। इस प्रकार से बचाई हुई राशि अन्य मदों पर खर्च की जा सकेगी। उन्होंने महिला सम्मान की इस योजना के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। आयुष मंत्री ने कहा कि गृहिणी सुविधा तथा शगुन जैसी महत्वाकांक्षी योजना आरम्भ कर प्रदेश सरकार ने महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण को सर्वोच्च अधिमान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित कर विकास प्रक्रिया में महिलाओं की बराबर की भागीदारी भी भाजपा सरकार ने ही सुनिश्चित की थी। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति समाज की नींव है और महिलाओं का सुदृढ़ीकरण समाज को मज़बूती प्रदान करता है। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने परिवहन निगम की बसों में किराए में 50 प्रतिशत की छूट देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। भोजनगर की ममता ठाकुर ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से उन्हें यात्रा करने में और आसानी होगी तथा इस प्रकार बची हुई धनराशि का वह सदुपयोग कर सकेंगी। बसाल की कृष्णा ने कहा कि प्रदेश सरकार की महिला कल्याण की योजनाएं उन्हें विशेष होने का एहसास दिलाती हैं। ज़िला परिषद सदस्य दर्पणा ठाकुर, बीडीसी धर्मपुर के उपाध्यक्ष मदन मोहन मेहता, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, नगर निगम सोलन की पार्षद मीरा आनंद एवं अन्य पार्षद, ज़िला भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष शकुन्तला शर्मा, भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, भाजपा तथा भाजयुमो के पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी सोलन विवेक शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी सोलन नरेन्द्र चौहान, प्रदेश पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक शगुल सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं इस अवसर पर उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन पुलिस विभाग में भर्ती के लिए पुनः लिखित परीक्षा 03 जुलाई, 2022 को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेंद्र शर्मा ने दी। वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि जिला सोलन के जिन अभ्यार्थियों ने 06 दिसंबर से 16 दिसंबर, 2021 तक आयोजित पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण की है की पुनः लिखित परीक्षा 03 जुलाई, 2022 को निर्धारित की गई है। वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि सभी शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा 03 जुलाई, 2022 को एलआर ग्रुप ऑफ इन्स्टियूट (इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) ओच्छघाट, सोलन के हाल में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रातः 09.00 बजे से आरंभ होगी। उन्होंने कहा कि लिखित परीक्षा के लिए अभ्यर्थी अपने साथ पासपोर्ट साईज की रंगीन फोटो, पहचान पत्र के लिए आधार कार्ड अथवा ड्राईविंग लाईसेन्स या पासपोर्ट सहित कार्ड-बोर्ड एवं नीला या काला बाल पेन लाना सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र उनके मोबाईल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से अलग से भेजे जा चुके हैं। किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा हाल में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे कि मोबाईल फोन, कल्क्युलेटर, इलेक्ट्रॉनिक वॉच और बैग इत्यादि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वीरेंद्र शर्मा ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों के विरुद्ध 27 मार्च, 2022 को आयोजित की गई लिखित परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र लीकेज का मामला दर्ज हुआ है को 03 जुलाई की परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी नहीं किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी दूरभाष नंबर 01792-223836 पर संपर्क कर सकते हैं।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन दाड़लाघाट के सौजन्य से आईटीआई दाड़लाघाट में वीरवार को सुबह 10:30 बजे से लेकर दोपहर 2:30 बजे तक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस रक्तदान शिविर में 18 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के स्वस्थ व्यक्ति डॉ.के परामर्श से स्वैच्छा से रक्तदान कर सकते है। इकाई प्रमुख अम्बुजा सीमेंट लिमिटेड दीपक जसूजा ने जन समुदाय को आगे आकर स्वैच्छा से रक्तदान करने की महत्ता पर बल देते हुए लोगों से रक्तदान करने का आह्वान किया। इस रक्तदान शिविर में आईटीआई- सेड़ी के प्रधानाचार्य राजेश शर्मा, विद्यार्थियों और जन भागीदारी को रक्तदान से जोड़ने लिए प्रयासरत है।
जिला सोलन के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) की मीनाक्षी ने 700 में से 685 अंक लेकर मैरिट में नौवां स्थान झटका है।मीनाक्षी आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। मीनाक्षी का कहना है कि उसने माता-पिता के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन से इस मुकाम को पाया है। मीनाक्षी ने कहा कि यदि लग्न से परिश्रम करते रहे और अपना ध्यान केवल लक्ष्य पर स्थापित करेंगे तो अवश्य ही सफलता प्राप्त होती है। उनके पिता कमलेश शर्मा शिमला में निजी होटल में कार्य करते है और मां उमा शर्मा गृहिणी हैं। प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने बताया कि मीनाक्षी ने 685 अंक (97.85 प्रतिशत) लेकर प्रदेश भर में नवां स्थान हासिल किया है। मीनाक्षी प्रतिभाशाली छात्रा है,आरंभ से ही वह विविध प्रतियोगिताओं में तथा विद्यालय गतिविधियों में अग्रणी रहती है। इस विशेष उपलब्धि के लिए विद्यालय के सभी अध्यापक तथा मीनाक्षी एवं उसके अभिभावक बधाई के पात्र हैं। जिन्होंने कोविड-19 के कठिन समय में भी अपने परिश्रम को जारी रखा तथा परिणाम स्वरूप आज यह उपलब्धि हासिल करके चंडी क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुफ़टू के छात्रों ने दसवीं के रिजल्ट में बेहतरीन परतदर्शन किया है। पाठशाला के 24 बच्चो में से 23 उत्तीर्ण हुए। वहीं 19 बच्चों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा में उत्तीर्ण की है। गौरतलब है कि विद्यालय की अंजली शर्मा ने 700 में से 637 आकर लेकर प्रथम, प्रियंका ने 621 अंक लेकर द्वितीय व हंसीका ने 612 अंक लेकर तृतीय स्थान हासिल किया है। बच्चों की इस उपलब्धि से क्षेत्र भर में ख़ुशी का माहौल है। वहीं विद्याल की प्रधानाचार्य सीमा नेगी ने सभी अध्यापकों और अभभावको को बधाई दी।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट जेपी विस्थापित एवं प्रभावित परिवहन सभा खारसी द्वारा ट्रक दुर्घटना में मृत ट्रक चालक के परिवार को 40,0000 की राशि भेंट की गई। यह दुर्घटना बरनाला (पंजाब) में हुई। इस दुर्घटना में मृत ट्रक चालक अनिल कुमार जो हिमाचल प्रदेश टिक्कर मंडी का रहने वाला था। प्रभावित परिवहन सभा ने अपनी दरियादिली दिखा कर उसके परिवार को चार लाख की सहायता राशि दी।इससे पहले भी खारसी समिति द्वारा चौपाल में हुए ट्रक हादसे में मृत चालक लायक राम जो बिलासपुर का रहने वाला था, उसके असहाय परिवार को भी सहायता राशि प्रदान कर चुकी है। हिमाचल मोटर चालक संघ के संस्थापक सत्यम ने कहा कि संघ खारसी सभा में कार्यरत सभी ट्रक ऑपरेटर साथियों को कार्यकारिणी की मानवीय दृष्टि वाली सोच को प्रणाम करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कार्यरत सभी निजी परिवहन समितियों को खारसी समिति की दरियादिली से सीखने की आवश्यकता है।
देवभूमि हिमाचल प्रदेश में देवी-देवताओं के बहुत से मंदिर हैं और हर मंदिर का अपना विशेष महत्त्व है। ऐसा ही एक अलौकिक स्थान है सोलन स्थित माता शूलिनी का मंदिर। दरअसल सोलन का नाम मां शूलिनी देवी के नाम पर पड़ा। माता शूलिनी सोलन की अधिष्ठात्री देवी हैं। माता का मंदिर सोलन बाजार में स्थित है और हर वर्ष यहाँ जून माह में मेले का आयोजन होता है। इस मेले को राज्य स्तरीय मेले का दर्जा प्राप्त है। तीन दिवसीय इस मेले के पहले दिन मां शूलिनी की शोभायात्रा निकाली जाती है और माता शूलिनी अपने मंदिर स्थान से निकलकर अपनी गंज बाजार स्थित अपनी बहन के घर ( मंदिर )पहुँचती है। दो रात्रि तक माता यहाँ ही प्रवास करती है। इसीलिये इस मेले को दो बहनो के मिलन का मेला भी कहा जाता है। इस शोभायात्रा का आयोजन बेहद धूमधाम से होता है और विभिन्न झांकियां भी निकाली जाती है। नगर यात्रा के बाद माता अपनी बहन के घर पहुँचती है। इस दौरान श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ता है और लाखों लोग माता के दर्शनों को सोलन नगरी पहुंचते है। तीन दिवसीय इस मेले के दौरान पूरा सोलन शहर दुल्हन की तरह सजाया जाता है और सैकड़ों भंडारों का आयोजन होता है। आसपास के राज्यों से भी व्यापारी दुकाने लगाने सोलन पहुंचते है। इस दौरान तीन दिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी होता है। देश -प्रदेश के कई नामी कलाकार इसमें भाग लेते है। मेले के तीसरे दिन माता अपनी बहन के घर से डोले में बैठकर फिर मंदिर को प्रस्थान करती है। बघाट रियासत की कुलदेवी है मां शूलिनी सोलन नगर बघाट रियासत की राजधानी हुआ करता था। इस रियासत की नींव राजा बिजली देव ने रखी थी। बारह घाटों से मिलकर बनने वाली बघाट रियासत का क्षेत्रफल 36 वर्ग मील में फैला हुआ था। इस रियासत की प्रारंभ में राजधानी जौणाजी तदोपरांत कोटी और बाद में सोलन बनी। राजा दुर्गा सिंह इस रियासत के अंतिम शासक थे। रियासत के विभिन्न शासकों के काल से ही माता शूलिनी देवी का मेला लगता आ रहा है। जनश्रुति के अनुसार बघाट रियासत के शासक अपनी कुलश्रेष्ठा की प्रसन्नता के लिए मेले का आयोजन करते थे। बदलते समय के दौरान यह मेला आज भी अपनी पुरानी परंपरा के अनुसार चल रहा है। माता शूलिनी के इस मंदिर का पुराना इतिहास बघाट रियासत से जुड़ा हुआ है। बघाट रियासत के लोग माता शूलिनी को अपनी कुलदेवी के रूप में मानते थे, तभी से माता शूलिनी बघाट रियासत के शासकों के लिए उनकी कुलदेवी के रूप में पूजी जाती है।
रेणुकाजी और शिलाई में फिलहाल कांग्रेस का कब्जा है और 2022 के लिए अभी से भाजपा को यहां कड़ी तैयारी करनी होगी। दोनों ही क्षेत्रों में भाजपा के लिए हाटी समुदाय को विशेष दर्जे का मुद्दा भी सरदर्द बनता दिख रहा है। पार्टी में टिकट दावेदारों की लम्बी फेहरिस्त भी परेशानी बढ़ा सकती है। उधर कांग्रेस में सम्भवतः दोनों ही वर्तमान विधायकों को फिर मौका मिले। इन दोनों ही विधायकों को कांग्रेस न बड़ी ज़िम्मेदारियां सौंपी है। शिलाई से विधायक हर्षवर्धन चौहान को उपनेता प्रतिपक्ष तो रेणुका विधायक को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं भाजपा में शिलाई में बलदेव तोमर का टिकट तय माना जा रहा है लेकिन रेणुका जी में पार्टी के लिए उम्मीदवार का चयन सिरदर्द होगा। पिछले चुनाव में पार्टी ने हृदयराम पर बलबीर सिंह को वरीयता दी थी लकिन हृदयराम ने निर्दलीय ताल ठोक पार्टी की हार का बंदोबस्त कर दिया। ऐसे में इस बार भाजपा को फूंक -फूंक कर कदम रखना होगा। बिंदल साइडलाइन, बाकी में वो बात नहीं ! सिरमौर में भाजपा के वर्तमान सियासी आउटलुक की बात करें तो तेजतर्रार नेता और नाहन विधायक डॉ राजीव बिंदल एक किस्म से साइडलाइन है। न सरकार में उन्हें अहमियत दी गई है और न ही संगठन में कोई अहम ज़िम्मेदारी। नगर निगम सोलन और अर्की उपचुनाव का प्रभारी जरूर उन्हें बनाया गया, किन्तु दोनों जगह पार्टी परास्त हुई। उन्हें साइडलाइन रख कई नेताओं की ताकत बढ़ाई गई जिससे समीकरण संतुलित रह सके। पर इसमें कोई संशय नहीं कि बिंदल जैसा जादू अन्य नेता नहीं दिखा पा रहे। तो भाजपा को भुगतना होगा खामियाजा... पिछले दिनों हुई हाटी समुदाय की महाखुमली में जुटे लोगों ने स्पष्ट कहा कि 2014 में तत्कालीन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नाहन के चौगान मैदान में गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा देने का वादा किया था। तदोपरांत 2019 में तत्कालीन केंद्रीय जनजातीय मंत्री ने हरिपुरधार में इस क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने की बात कही थी। वर्तमान में शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप भाजपाई है और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है। ऐसे में यदि प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्ज नहीं मिलता है, तो उसका खामियाजा विधानसभा चुनाव में भाजपा को भुगतना होगा। दरअसल गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा देने का मसला 144 पंचायतों से सीधे जुड़ा है और इसके दायरे में चार विधानसभा क्षेत्र आते है। शिलाई के अतिरिक्त, श्रीरेणुकाजी, पच्छाद व पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्रों में भी ये मुद्दा निर्णायक भूमिका निभा सकता है। जाहिर है फिलवक्त भाजपा सत्ता में है तो नाराजगी का कोप भी भाजपा को भुगतना पड़ा सकता है। ऐसे में निसंदेह सत्तारूढ़ भाजपा अब इस मुद्दे पर कोई सार्थक पहल कर सकती है। यदि ऐसा हुआ तो पार्टी को इसका लाभ भी मिलना तय है। नाहन : फिर लगने लगा धरतीपुत्र का नारा 2012 में परिसीमन बदल गए और सोलन निर्वाचन क्षेत्र आरक्षित हो गया। फिर डॉ राजीव बिंदल ने नाहन को कर्मभूमि बना लिया। नाहन को अपना गढ़ बनाना बिंदल के लिए आसान नहीं था, मगर धीरे =धीरे बिंदल नाहन में अपने पैर जमाने में कामयाब हुए। 2017 में बिंदल ने फिर नाहन से चुनाव लड़ा और जीत भी दर्ज की। नाहन में जरूर डॉ राजीव बिंदल खुद को साबित करते आ रहे है लेकिन मौजूदा स्थिति में वे भी सहज नहीं दिख रहे है। यहाँ अभी से धरतीपुत्र का नारा बुलंद होता दिख रहा है। साल 2017 में भी डॉ. राजीव बिंदल की घेराबंदी के लिए कांग्रेस ने धरती पुत्र का नारा बुलंद किया था। कांग्रेस लगातार बिंदल को बाहरी बताती रही है। बाहरी फैक्टर चला और कांग्रेस संगठित होकर चुनाव लड़ी, तो बिंदल को भी मुश्किल होती दिख रही है। इसके अलावा सवर्ण आंदोलन फैक्टर भी भाजपा को नुकसान पहुंचा सकता है। उधर कांग्रेस में अजय सोलंकी टिकट के मुख्य दावेदार जरूर है लेकिन अन्य प्रत्याशी भी उनसे पीछे नहीं दिखते। गुटों में बंटी दिख रही कांग्रेस के लिए यहाँ राह आसान नहीं होगी। पार्टी बंटी रही तो एक बार शिकस्त तय है।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन के 1 एचपी बॉयज बटालियन एनसीसी सोलन यूनिट के कैडेट्स ने अपना 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण कैंप सफलतापूर्वक पूर्ण किया है। जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में आयोजित इस कैंप में विद्यालय की एनसीसी अधिकारी सुमन बट्टू के निर्देशन में 23 कैडेट्स ने भाग लिया। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल बीएस पनाग, सेना मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद कुमार एवं सुबेदार मेजर दिनेश कुमार गुलेरिया के संरक्षण में संपन्न हुए। इस कैंप में विद्यार्थियों को ड्रिल, फायरिंग तथा डिजास्टर मैनेजमेंट आदि महत्त्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ-साथ विद्यार्थियों को खेल एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं में भी भाग लेने का मौका मिला। कैडेट्स ने समापन समारोह में रंगारंग नाट्टी प्रस्तुत की। कैडेट तनुजा, स्नेहा, शिल्पा तथा ईशा ने खो-खो में रनर अप रहने पर सिल्वर मेडल जीता। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने विद्यार्थियों को इस सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा एनसीसी के अनुशासन व लक्ष्य के प्रति समर्पण को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जहां शैक्षणिक, खेलकूद व अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। वहीं, विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धाओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है, ताकि उनका संपूर्ण व समग्र विकास हो सके।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट ग्राम पंचायत दाड़लाघाट को महर्षि बाल्मीकि स्वच्छता पुरस्कार से नवाजा गया है। उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण 2017-18 के अंतर्गत ग्राम पंचायत दाड़लाघाट को स्वच्छता के अंतर्गत जिला स्तर तथा खंड स्तर पर किए गए उत्कृष्ट कार्यों हेतु कार्यालय खंड विकास अधिकारी कुनिहार द्वारा पुरस्कृत किया गया है। खंड विकास अधिकारी कुनिहार तारा शर्मा ने पंचायत सचिव धनीराम को पुरस्कार स्वरूप 100000 का ड्राफ्ट सौंपा।खंड विकास अधिकारी ने वर्तमान तथा भविष्य में भी पंचायत से स्वच्छता मिशन पर इसी प्रकार निरंतर कार्य करने का आह्वान भी किया है।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं में देश भक्ति की भावना को मजबूत करने व नशे से दूर रहने के लिए ग्राम पंचायत दाड़लाघाट के गांव स्यार के नेचड मैदान में ट्रांसपोर्टरों द्वारा कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल का शुभारंभ पूर्व विधायक गोविंदराम शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि दंगल हिमाचल, पंजाब, हरियाणा व यूपी के पहलवानों का गौरव होते हैं। इसमें कुश्ती खेलने वाले युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि खेलों में हिमाचल की बेटियां भी कम नही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने का मुख्य कारण युवाओं में देश भक्ति की भावना को मजबूत करना व नशे जैसी प्रवृति से दूर करना है। करीब पांच घंटे तक पहलवानों के करतब देखकर लोगों ने जमकर लुफ्त उठाया। दंगल की बड़ी माली जस्सा पहलवान व विकास के बीच हुई, जिसमें जस्सा बड़ावाला ने जीत दर्ज की। छोटी माली जयपाल ने जीती।विजेता पहलवानों को कमेटी की ओर से बड़ी माली जितने वाले को 18 हजार रुपए व उपविजेता को 15 हजार रुपए व छोटी माली के विजेता को 10 हजार रुपए व उप विजेता को 7 हजार रुपए के पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर अंबुजा सीमेंट कंपनी के यूनिट हेड दीपक जसूजा, नायब तहसीलदार बंदोबस्त ललित गौतम, एसीएफ के कार्यक्रम प्रबंधक भूपेंद्र गांधी, जनार्था, कुश्ती कमेटी के बालक राम शर्मा, मोहन सिंह ठाकुर, मेहर चंद ठाकुर, लेखराम ठाकुर, पदम चंदेल, रूपचंद, लेखराज चंदेल, जयचंद चंदेल, रामरत्न चंदेल, राम कृष्ण बंसल, तिलक शर्मा व श्रीराम शर्मा आदि मौजूद रहे।
रंजीत ठाकुर। कुनिहार नवोदय विद्यालय कुनिहार में एनसीसी वार्षिक ट्रेनिगं कैंप-219 के बाद आज ट्रेंनिग कैंप 220 का शुभारंभ हुआ। इस कैंप में विभिन्न विद्यालयों से आए 464 कैडेट्स भाग ले रहे हैं। वार्षिक कैंप-220 के पहले दिन कैडेट्स की सुबह की शुरुआत 5.30 बजे पीटी से हुई। उसके बाद कमांडिंग ऑफिसर विक्रमजीत सिंह पनाग और लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद कुमार (सेना मेडल) की अध्यक्षता में ओपनिंग एड्रेस में 1 एचपी बटालियन एनसीसी सोलन के 464 सीनियर व जूनियर विंग के कैडेट्स ने भाग लिया। कमांडिंग ऑफिसर विक्रमजीत सिंह पनाग ने कैंप में चलने वाली विभिन्न गतिविधियों से कैडेट्स को अवगत कराया तथा इस प्रकार के कैंपाें में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सूबेदार मेजर दिनेश सिंह, नायब सूबेदार बलविंदर सिंह, प्रताप सिंह, ओमप्रकाश शर्मा, एएनओ लेफ्टिनेंट यमुना शर्मा, थर्ड ऑफिसर एमएल मेहरा, नीता शर्मा, धीरज गुप्ता, विनोद कुमार और सीटीओ शमशेर ठाकुर, तेजेंद्र कुमार, निखिल ठाकुर, बटालियन हवलदार मेजर राजीव कुमार, कंपनी हवलदार मेजर गीतानंद, संजीव कुमार, मनोहर लाल, सतबीर सिंह, हवलदार जसवीर सिंह, प्रवीण सिंह, मनोज कुमार, दीपक कुमार व ताहिर मनीर भी मौजूद रहे। कैडेट्स ने ड्रिल का अभ्यास आर्मी स्टाफ के नेतृत्व में बहुत जोश से किया। दोपहर के बाद कैडेट्स को 22 राइफल, मेप रीडिंग संबंधी जानकारी प्रदान की गई। कैंप का समापन 4 जुलाई को होगा।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि कुश्ती भारत का पारंपरिक खेल है और वर्तमान में कुश्ती पूरे विश्व में लोकप्रिय है। डॉ. सैजल आज राज्य स्तरीय शूलिनी मेला-2022 के अवसर पर आयोजित दंगल प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित पहलवानों और अन्य को संबाेधित कर रहे थे। डॉ. सैजल ने कहा कि शूलिनी मेला के अवसर पर आयोजित होने वाली दंगल प्रतियोगिता ने देश एवं प्रदेश को अनेक उच्च स्तरीय पहलवान दिए हैं। उन्होंने आशा जताई कि इस वर्ष की दंगल सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा। इससे पूर्व पुलिस अधीक्षक सोलन वीरेंद्र शर्मा ने दंगल के लिए स्थापित अखाड़े का विधिवत पूजन कर दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पंचायत समिति सोलन के उपाध्यक्ष लक्ष्मी ठाकुर, नगर निगम सोलन वार्ड-9 के पार्षद शैलेंद्र गुप्ता, सोलन केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र सूद, बघाट बैंक के उपाध्यक्ष संजीव सूद, उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी सहित भाजपा तथा भाजयुमो के पदाधिकारी तथा जिला के वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन राज्य स्तरीय शूलिनी मेला-2022 के अवसर पर जिला प्रशासन के सौजन्य से पशुपालन विभाग सोलन द्वारा आज पशु प्रदर्शनी (गो वंश प्रदर्शनी) का आयोजन कथेड़ में किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने गौ पूजा के साथ गो वंश प्रदर्शनी शुभारम्भ किया। डॉ. सैजल ने इस अवसर पर कहा कि गाय से प्राप्त हर उत्पाद का प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी पुरातन संस्कृति में गाय हमारी आर्थिकी का मूल आधार रही है। हमें स्वदेशी नस्ल की गाय पालनी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा आयोजित प्रदर्शनी के आयोजन पर बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी के माध्यम से हमें प्रेरणा मिलती है और समाज में गौवंश के प्रति जागृति उत्पन्न होती है। आयुष मंत्री ने उप निदेशक पशुपालन विभाग को निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से ग्राम स्तर पर प्रत्येक नागरिक को गौवंश के महत्व के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि गौवंश संरक्षण के लिए सरकार ने प्रदेशभर में गौ अभ्यरण स्थापित किए हैं। उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी ने प्रदर्शनी के समापन पर प्रदर्शनी में विजेताओं को पुरस्कृत किया। पशु प्रदर्शनी में साहिवाल नस्ल की गाय की श्रेणी में स्वामी ओम देव की गाय प्रथम, मदन लाल की गाय द्वितीय और प्रदीप की गाय को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। रेड सिन्धी नस्ल गाय की श्रेणी में स्वामी ओम देव की गाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गिर नस्ल की गाय की श्रेणी में स्वामी ओम देव की गाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। थारपार्कर, हरियाणा, कांकरेज व राठी नस्ल की गाय की श्रेणी में अनिल कुमार की गाय प्रथम, पंकज गुप्ता की गाय द्वितीय रही। पहाड़ी नस्ल की गाय की श्रेणी में ठाकुर धरमार्थ न्यास गौ सदन डांगरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एचएफ ग्रेडिड नस्ल की गाय की श्रेणी में शमी धर्मपुर की गाय प्रथम, राजेश की गाय द्वितीय तथा राजीव की गाय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जर्सी ग्रेडिड नस्ल की गाय की श्रेणी में मनोज शर्मा की गाय प्रथम, दिनेश की गाय द्वितीय और नुपूर की गाय तृतीय रही। बछड़ियों की प्रदर्शनी में देवेन्द्र प्रथम, सुरजीत द्वितीय तथा सुरेन्द्र तृतीय रहे। इस अवसर पर कृषि उपज विपणन समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रविन्द्र परिहार, किसान मोर्चा के जि़ला उपाध्यक्ष मदन ठाकुर, नगर पालिका सोलन के पार्षद कुलभूषण गुप्ता, पशु पालन विभाग के उप निदेशक बृज भूषण गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. राजन उप्पल, पशुपालन विभाग से डॉ. जीवन, डॉ. उपेन्द्र. डॉ. पवन पाल, डॉ. मनदीप व डॉ. विजय पाठक सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन मैसर्ज अनुस्पा हैरिटेज प्रोडेक्टस प्राईवेट लिमिटिड परवाणू, मैसर्ज टाफे मोटरस एण्ड ट्रैक्टरस लिमिटिड, मैसर्ज देहुन इंडिया निधि लिमिटिड, एक्मे एचआर कनसल्टिंग में विभिन्न श्रेणियों के 61 पद भरे जाएंगे। यह जानकारी जि़ला रोज़गार अधिकारी संदीप ठाकुर ने दी। संदीप ठाकुर ने कहा कि इन पदों के लिए योग्यता 8वीं पास, मकेनिकल/इलैक्ट्रीकल, आईटीआई फीटर, इलैक्ट्रीशियन एण्ड इलैक्ट्रीकल, आईटीआई फीटर एण्ड मशीनस्ट, स्नातक, 12वीं, लाईसेंस के साथ दोपहिया वाहन, स्नातक, स्नातकोत्तर सहित अंग्रेज़ी का ज्ञान होना अनिवार्य है। जि़ला रोज़गार अधिकारी ने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार अपनी योग्यता सम्बन्धी सभी अनिवार्य प्रमाण पत्रों व दस्तावेज़ों एवं बायोडाटा सहित जि़ला रोज़गार कार्यालय सोलन में 29 जून, 2022 को प्रातः 10.00 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नम्बर 01792-227242, मोबाईल नम्बर 70189-18595 तथा 78768-26291 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
मनाेज कुमार। दाड़लाघाट नेशनल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल धुंदन के 21 एनसीसी कैडेट्स ने जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में आयोजित एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर एटीसी-219 में भाग लिया। विद्यालय के एनसीसी प्रभारी हरेंद्र वर्मा ने बताया कि इस शिविर कैंप के निदेशक कर्नल विक्रमजीत सिंह पनाग और सह संयोजक लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद कुमार के मार्गदर्शन में कैडेट्स ने अनुशासन,समर्पण और देश के प्रति समर्पण जैसे एनसीसी के उच्च मूल्यों का आत्मसात किया, जो उनके व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में भविष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विद्यालय की प्रधानाचार्य भीमा वर्मा ने एनसीसी कैडेट्स और एनसीसी प्रभारी हरेंद्र वर्मा को प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर बधाई व शुभकामनाएं दी।
मनाेज शर्मा। कुनिहार बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के 27 होनहार मेधावी छात्रों को हिमाचल प्रदेश सरकार के सौजन्य से लैपटाप बांटे गए। जानकारी देते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने बताया की बीएल स्कूल कुनिहार के 27 होनहार मेधावी बच्चों, जिसमें सत्र 2018-19 से कक्षा दसवीं व जमा दो हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड मेरिट में आने वाले 14 छात्र गौरी मित्तल, पारुल राज, स्नेहा, विनोद कुमार, ख़ुशी ठाकुर, मनीष, आयुष ठाकुर, शालिनी, साक्षी, शगुन, श्वेतांग, महिमा संदल, अक्षिता वर्मा, प्रगति ने लैपटॉप प्राप्त किए हैं। साथ ही सत्र 2019-20 कक्षा 10वीं व 12वीं में हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड मेरिट में आने वाले 13 छात्रों शगुन सिंह, धृति शर्मा, नैंसी ठाकुर, महक, लक्षिता, भानु प्रिय, सेमेधा, सूर्यांश, अक्षिता, कनिका चौधरी, माधुरी शर्मा, कृतिका शर्मा व दीप्ती को लैप टॉप मिले हैं। विद्यालय अध्यक्ष ने बताया की इन सभी होनहार मेधावी छात्रों को हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा उच्च उप-शिक्षा निदेशक सोलन के माध्यम से लैपटॉप वितरित किए गए हैं। लैप टॉप वितरण समारोह राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. जगदीश नेगी उच्च उप-शिक्षा निदेशक सोलन, रतन सिंह पाल उपाध्यक्ष भाजपा पार्टी हिमाचल प्रदेश, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने इन सभी बच्चों व उनके अभिभावकों तथा उनके अध्यापकों को भी बधाई दी है। उन्होंने बताया की इस विद्यालय के बच्चे हर वर्ष मेरिट में आकर शिक्षा विभाग से अधिक से अधिक लैपटॉप और छात्रवृति हासिल करते हैं। विद्यालय प्रधानाचार्य पुरशाेतम लाल, अध्यापक अभिभावक संघ के अध्यक्ष रतन तंवर व सभी सदस्यों ने विद्यालय मुख्याध्यापिका सुषमा शर्मा, उप-प्रधानाचार्य किरण लेखा, विद्यालय छात्रवृति प्रभारी निर्मला देवी व समस्त अध्यापक वर्ग ने सभी लैपटॉप प्राप्त करने वाले छात्रों को बधाई दी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण सोलन द्वारा आज तीन दिवसीय राज्य स्तरीय मां शूलिनी मेला के अवसर पर मेला स्थल ठोडो मैदान में लोगों को विधिक जानकारी प्रदान करने के लिए स्टाल स्थापित किया गया। स्टाल का विधिवत शुभारंभ हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सबीना ने किया। यह जानकारी ज़िला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अंशु चैधरी ने दी। न्यायमूर्ति सबीना ने इस अवसर पर कहा कि मेले में इस स्टाल को स्थापित करने का उद्देश्य जन-जन तक विधिक जानकारी पंहुचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। इस स्टॉल के माध्यम से लोगों को विधिक जानकारी प्रदान करने के लिए अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वालंटियर को नियुक्त किया गया है। यह स्टाल 24 जून से 26 जून, 2022 तक स्थापित रहेगा। इस अवसर पर ज़िला एवं सत्र न्यायाधीश सोलन वीरेंद्र शर्मा, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश परविंद्र सिंह अरोड़ा, मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी गुरमीत कौर, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी अंशु चैधरी, मोबाईल टैªफिक मैजिस्ट्रेट सोलन व सिरमौर गौरव चैधरी, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सोलन चुनौती संगरोली, न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय श्रेणी सोलन वरूण, बार ऐसोसिएशन सोलन के अध्यक्ष मदन कश्यप एवं अन्य सदस्य भी अस अवसर पर उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन सोलन की अधिष्ठात्री देवी मां शूलिनी में अपार श्रद्धा एवं विश्वास का प्रतीक तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शूलिनी मेला आज सोलन में हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ आरंभ हुआ। मेले में पारंपरिक एवं रंग-बिरंगे परिधानों में सैंकड़ों लोग प्रसिद्ध मां शूलिनी मंदिर में एकत्र हुए और मंगलमयी शोभायात्रा में भाग लिया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डाॅ. राजीव सैजल ने पुरानी कचहरी में मां शूलिनी की सुसज्जित पालकी की प्रदेशवासियों एवं जिलावासियों की ओर से अगुवाई की। उन्होंने पवित्र शोभायात्रा में भी भाग लिया। उन्होंने बघाट शहरी सहकारी बैंकसे मां की पवित्र पालकी पर पुष्प वर्षा की। इस अवसर पर सोलन शहर के विभिन्न स्थानों पर तीन दिनों तक भंडेरे भी आयोजित किए जाते हैं। सांस्कृति कार्यक्रमों के अतिरिक्त बैडमिंटन, वाॅलीबाल, कुश्ती प्रतियोगिताएं मेले के अन्य मुख्य आकर्षण होंगे। नाहन के विधायक डाॅ. राजीव बिंदल, सोलन के विधायक डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल, नगर निगम सोलन की मेयर पूनम ग्रोवर, प्रदेश खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष पुरूषोत्तम गुलेरिया, प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड की उपाध्यक्ष रशिमधर सूद, एपीएमसी सोलन के अध्यक्ष संजीव कश्यप, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी समिति के सदस्य डाॅ. राजेश कश्यप, बघाट बैंक के पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, नगर निगम सोलन के उप मेयर राजीव कौड़ा, अन्य पार्षद, उपायुक्त सोलन कृतिका कुलहरी, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त ज़फ़र इकबाल, नगर निगम सोलन के आयुक्त राजीव कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा, उपमण्डलाधिाकरी सोलन विवेक शर्मा, सहायक आयुक्त संजय स्वरूप, मां शूलिनी माता मन्दिर न्यास व शोभा यात्रा समिति के पदाधिकारी, सदस्य, नव युवक संगठन सोलन के अजय बंसल, अन्य पदाधिकारी, मेला समिति के अन्य सदस्य, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।
शूलिनी मेला और सियासत... बरसाती मेंढक की तरह होर्डिंग्स में अवतरित हुए नेता -मुख्यमंत्री के न आने से समर्थक भी उठा रहे सवाल -विधायक की अनदेखी से कांग्रेस लाल तीन दिवसीय शूलिनी माता मेले के दौरान श्रद्धा और भक्ति के बीच सियासत भी गरमाई हुई है। स्थानीय विधायक को प्रशासन ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में न अतिथि बनाया न निवेदक के तौर पर उनका नाम लिखा, तो कांग्रेसी लाल हो गए। आम लोग भी इस बात की निन्दा कर रहे है। उधर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मेले के दौरान नही आ रहे है, इसे लेकर न सिर्फ विपक्ष बल्कि भाजपा के लोग भी सवाल उठा रहे है। फेसबुक पर लिखा जा रहा है कि सोलन में भाजपा के त्रिदेव तो मना लिए लेकिन बेहतर होता सीएम माता को मनाने भी आते। दरअसल सोलन में कई बड़ी योजनाओं का काम पूरा नहीं हुआ है। कोठो का इंडोर स्टेडियम हो या शामती बायपास, इनका काम काफी समय से अंतिम चरण में ही है। सरकार के वर्तमान कार्यकाल का अंतिम चरण आ गया लेकिन इन योजनाओं के निर्माण का अंतिम चरण पूरा नही हुआ। अप्रैल 2021 में जब जयराम ठाकुर सोलन मैदान में जनसभा करने आए थे तब ऐलान किया था कि शूलिनी मेले के दौरान शामती बायपास जनता को समर्पित करेंगे। अगला मेला आ गया लेकिन लचर कार्यशेली के चलते मुख्यमंत्री को अब तक इसका मौका नहीं मिला। ऐसे में यदि सीएम आते तो सोलन को क्या देकर जाते। जाहिर इसी के चलते सीएम को अब शूलिनी मेले के बाद सोलन बुलाया जाएगा ताकि लंबे समय से लंबित योजनाओं का उद्घाटन भी हो सके। बाकी चुनावी वर्ष में करोड़ों के शिलान्यास होना तो तय है ही। मेले के दौरान कई विधायक बनने के इच्छुक नेताओं के होर्डिंग भी शहर में लगे है। इनमे से एकाध नेता तो बरसती मेंढक की तरह चुनावी मौसम में एक्टिव हो गए है। ये नेता 2017 तक एक्टिव थे लेकिन टिकट नहीं मिला तो ये भी गायब हो गए। अब चुनावी मौसम में फिर लौट आए है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन अटल शिक्षा कुंञ्ज, कालूझिंडा स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड मैनेजमेंट द्वारा बहु-विषयक दृष्टिकोण पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इसमें कई अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्ध संस्थानों और विश्वविद्यालयों के प्रमुख शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और छात्रों ने भाग लिया। इस सम्मेलन को आईईईई चंडीगढ़ सबसेक्शन, ग्रेट अलायंस फाउंडेशन इंडिया और वीग्रो एलएलपी के सहयोग से आयोजित किया, जिसका मुख्य उद्देश्य छात्रों में शोध का निरंतर विकास और शोधकर्ताओं के अनुभवों और शोध परिणामों का आदान-प्रदान करने के लिए शिक्षकों, शोधकर्ताओं और छात्रों को एक साथ लाना था। इस सम्मेलन में कुल 203 प्रतिभागियों और वक्ताओं ने भाग लिया और 100 से अधिक शोध पत्र प्राप्त हुए। आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) शमीम अहमद ने अपने संदेश में प्रतिभागियों, शिक्षाविदों और उद्योग जगत के लोगों को उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया और आयोजन समिति के सदस्यों को इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस सम्मेलन में डॉ० इंद्रप्रीत कौर आईईईई इम्पैक्ट क्रिएटर,चंडीगढ़ सब-सेक्शन, डॉ. दानिश इकबाल रैना बी स बी ग विश्वविद्यालय, जम्मू, डॉ. आशू खोसला मुख्य शिक्षा अधिकारी, शूलिनी विश्वविद्यालय, डॉ. बबीत गुप्ता, डिप्टी डायरेक्टर रिसर्च, सिटी यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ अजमान, दुबई, रजनीश रत्ना, एसोसिएट प्रोफेसर, रॉयल यूनिवर्सिटी ऑफ भूटान, डॉ. मोहनाद, खेलितान मलेशिया व डॉ. जुझार सिंह प्रोफेसर माता गुजरी कॉलेज सहित अनेक विद्वान उपस्थित रहे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांगल में दो दिवसीय खेल उत्सव का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान उर्मिला देवी ने किया, जबकि समापन पंचायत उपप्रधान सीताराम द्वारा किया गया। इस मौके पर खेल उत्सव में अंतर सदन कबड्डी व वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वरिष्ठ छात्र वर्ग की वॉलीबॉल प्रतियोगिता कल्पना सदन, वरिष्ठ छात्रा कबड्डी में कलाम सदन, वरिष्ठ कबड्डी में रमन सदन, कनिष्ठ वॉलीबॉल प्रतियोगिता में कलाम सदन, कनिष्ठ कबड्डी कलाम सदन विजेता रही, जबकि कलाम सदन ओवरआल विजेता रहा। इस अवसर पर सभी लोगों ने अपनी भागीदारी के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया। समाजसेवी दीतू राम ठाकुर ने आए सभी लोगों के लिए जलपान का आयोजन किया। प्रधान उर्मिला देवी, उपप्रधान सीताराम ने 5100 रुपए, दीतु राम, धर्माराम ने 1100 व एसएमसी प्रधान राकेश द्वारा 2100 रूपए की धनराशि विद्यालय के विकास हेतु दान की गई। इस माैके पर प्रधानाचार्य सुरेंद्र शर्मा द्वारा सभी का आभार व्यक्त करते हुए खेल को जीवन में महत्व के रूप में बताया गया। इस अवसर पर उर्मिला देवी, सीता राम, राकेश चौहान, सुरेंद्र शर्मा व योग प्रशिक्षक रोहित सहित अन्य मौजूद रहे।
मनाेज कुमार। दाड़लाघाट पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह की जन्म जयंती के उपलक्ष्य पर ग्राम पंचायत बागा करोग में पुष्पांजलि अर्पित की। उनको याद करते हुए बागा करोग में दिहाड़ीदार कामगारों व उनके बच्चों को फल वितरित किए गए। इस दौरान सचिव जिला सोलन चौहान कृष्णा ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह हमेशा हिमाचल की जनता के दिलों में रहेंगे। जिस तरह से उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री हिमाचल के जन जन का विकास किया। पहाड़ी राज्य होने पर भी मूलभूत सुविधाओं को मुहैया करवाया वह अस्मरणीय है। चौहान कृष्णा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देश अनुसार आज से इस शुभ दिन को विकास दिवस के रूप में प्रतिवर्ष मनाया जाएगा। इस दौरान पंचायत बागा करोग की प्रधान सुरेंद्रा पंवर, बीडीसी सदस्य बनीता चौहान, उप प्रधान श्याम लाल चौहान, सचिव जिला सोलन कांग्रेस चौहान कृष्णा, महासचिव एससी एसटी सेल अर्की राकेश चौहान, आदर्श महिला मंडल बागा की अध्यक्षा सुखदेई चौहान (किरण चौहान), सुमित्रा चौहान, रीना पंवर, करोग वार्ड सदस्य ज्योति चौहान, बागा वार्ड सदस्य सुशांत चौहान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नानक चंद ठाकुर, पूर्व वार्ड सदस्य रामपाल शर्मा, बीरबल चौहान, उपाध्यक्ष अर्की दीप लाल चौहान, युवा महासचिव श्याम लाल, सचिव मांगल कांग्रेस चमन लाल सहित अन्य सदस्यों ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह के जन्म जयंती पर उनकी चित्र पर पुष्पांजलि देकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी व नमन किया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। सोलन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने पुलिस मैदान में त्रिदेव सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र के कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने इस विशाल सम्मेलन को देखने के लिए लंबी यात्रा तय की है, जिसने हिमाचल में इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के काम को याद करते हैं और उनका काम करना हमारे जीवन का संकल्प है। हम तब तक काम करेंगे, जब तक हम हिमाचल में एक बार फिर मजबूत सरकार बनाने के अपने लक्ष्य को हासिल नहीं कर लेते। उन्होंने कहा कि हिमाचल में सभी त्रिदेव सम्मेलन पूरी तरह सफल रहे हैं। हमीरपुर में 97 प्रतिशत, मंडी में 90 प्रतिशत, कांगड़ा में 94 प्रतिशत और शिमला में 93 प्रतिशत उपस्थिति रही। उन्होंने कहा कि हमारे त्रिदेव हमारी पार्टी के भ्राम, विष्णु और महेश हैं। वे हमारी पार्टी के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हमारे त्रिदेव भाजपा की सभी योजनाएं को बूथ स्तर पर क्रियान्वित करते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल में हमारी डबल इंजन सरकार है और इस सरकार ने हमारे राज्य को विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाएं दी हैं। आयुष्मान भारत और हिमकेयर जैसी कई योजनाएं हैं, जो दुनिया भर में जानी जाती हैं। जब भाजपा सत्ता में आती है, तो जनता योजनाओं की बात करती है, लेकिन जब कांग्रेस सत्ता में आती है, तो जनता केवल घोटालों की बात करती है। कांग्रेस घोटालों की पार्टी है, लोगों का उन पर से पूरा विश्वास उठ गया है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना सेना और युवाओं के लिए गेम चेंजर साबित होगी। यह योजना देश को मजबूत और हमारे युवाओं को अनुशासित बनाएगी। हमारे पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाया है और भारत जल्द ही विश्वास गुरु बनेगा। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सह प्रभारी संजय टंडन, मंत्री राजीव सहजल, सुरेश भारद्वाज, सुखराम चौधरी, विधायक राजीव बिंदल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा उपस्थित थे।
मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर दर्दनाक सड़क हादसे पेश आए। कुल्लू में पेश आए दो सड़क हादसों में तीन लोगो की मौत हो गई जबकि नालागढ़-स्वारघाट नेशनल हाईवे पर वाहनों की आपस में ज़ोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पांच पर्यटकों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पीजीआई रेफर किया गया। इसके अलावा धर्मशाला से दिल्ली जा रही हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस पानीपत में सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 20 यात्रियों के घायल होने की सुचना प्राप्त हुई है। वहीं बिलासपुर में ट्रक और मोटरसाईकिल में टक्कर होने से एक युवक की मौत हो गई। जिला कुल्लू में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। पहला हादसा सोमवार रात को पेश आया है। यह हादसा कुल्लू के तलोगी के पास ओसह में हुआ है। इस हादसे में एक स्कूटी सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में स्कूटी चालक की मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा सोमवार रात करीब 10:30 बजे बजौरा में ब्यास नदी के पास पेश आया। हादसे में ब्यास नदी के पास बने पुल से एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार पुल से करीब 40 फीट नीचे जा गिरी है। जिसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई और एक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार फोरलेन पुल के पास हुए हादसे में कार चालक मदन उम्र 40 साल पुत्र बचन सिंह निवासी खुडेर तहसील सुंदरनगर जिला मंडी तथा प्रकाश चंद्र उम्र 51 साल पुत्र ध्यान राम गांव जलोह तहसील सलूनी जिला चंबा की मौत हो गई है। वहीं, जिया-रामशिला फोरलेन पर हुए हादसे में राज प्रकाश उम्र 42 साल पुत्र राम प्रकाश ठाकुर गांव शमशी कुल्लू की मौत हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई दर्ज कर दी है। धर्मशाला से दिल्ली जा रही हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम की बस हरियाणा के पानीपत में सड़क हादसे का शिकार हो गयी। इस हादसे में 20 यात्री घायल हुए थे। यह दुर्घटनाग्रस्त बस नगरोटा बंगवा डीपो की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यह बस धर्मशला से दिल्ली जा रही थी। ये सड़क हादसा करीब पौने 9 बजे पेश आया है। बस ने पीछे से आकर एचआरटीसी की खड़ी बस को टक्कर मार दी। इस दोनों बसों में 50 लोग सवार थे। 3 घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हिमाचल प्रदेश के नालागढ़-स्वारघाट नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। नालागढ़-स्वारघाट नेशनल हाईवे के झिडीवाला के समीप दो वाहनों की आपस में ज़ोर दार भिड़ंत हो गयी। इस हादसे में टेंपो ट्रेवलर में सवार 9 पर्यटक घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक रात करीब डेढ़ बजे नालागढ़ की ओर से टैंकर स्वारघाट की तरफ जा रहा था। झिडीवाला के समीप गलत दिशा से टेंपो ट्रेवलर आ रही थी। इस दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टेंपो ट्रेवल में हरियाणा और दिल्ली के पर्यटक सवार थे। पर्यटक मनाली से घूमने के बाद वापस दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को CHC नालागढ़ पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने पांच पर्यटकों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। वहीं थाना नालागढ़ पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। बिलासपुर के सदर थाना के अंतर्गत मुकाम छडोल के पास एक ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गयी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मृत्यु हो गयी। मृतक की पहचान सुनिश शर्मा सपुत्र गोपाल कृष्ण शर्मा निवासी कुनिहार जिला सोलन के रूप में हुई है। वहीं ट्रक चालक ट्रक को लेकर मौके से फरार हो गया था जिसे सूचना के अनुसार डिटेन कर लिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मनाेज कुमार। दाड़लाघाट दाड़लाघाट पंचायत से अलग हटकर बनी पंचायत रौडी के विभिन्न स्थानों में कूड़े की समस्या से लोग परेशान हैं। जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर प्रधानमंत्री के स्वच्छता के सपने को धूमिल करते नजर आ रहे है। गंदगी से परेशान लोग कई बार पंचायत प्रतिनिधियों व अम्बुजा प्रबंधन को मौखिक तौर पर अवगत करवा चुके हैं, लेकिन इसका कोई असर ही नही दिख रहा है। आलम यह है कि गांव बटेड के फ्लाई ओवर के समीप, सुल्ली गेट के समीप, ट्रक यार्ड में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। लोगों का कहना है कि पंचायत रौड़ी में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। लाेगाें को पैदल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों में अनूप शर्मा, पंकज शर्मा, कृष्ण चंद, प्रदीप कुमार, दिनेश कुमार, करण ठाकुर, हरीश कुमार व राजेश वर्मा सहित अन्य लोगों का कहना है कि हालत यह है कि गांव के लोगों को मुंह पर रुमाल रखकर चलना पड़ता है। कचरे के ढेर पर आने वाले जानवर भी कूड़े को इधर-उधर फैला देते हैं, जिससे सफाई व्यवस्था चौपट हो जाती है। उन्होंने कहा कि खासकर बारिश के दौरान लोगों को ज्यादा परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते कूड़े की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में पंचायत घर व अम्बुजा के मुख्य द्वार में कूड़े को उठाकर रखा जाएगा। स्थानीय लोगों ने पंचायत रौड़ी के विभिन्न स्थानों के किनारे लगे कूड़े के ढेर को हटाने की मांग की है, ताकि लोगों को परेशानी न झेलनी पडे़। इस बारे पंचायत प्रधान रौड़ी रीना शर्मा से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि कूड़े के ढेर मार्केट के साथ लगती जगह में है। व्यापार मंडल से इस बारे बात करके जल्द ही लोगों को कचरे से राहत मिल जाएगी।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मांगू में विश्व योग दिवस मनाया गया। विद्यालय के डीपीई भागीरथ ठाकुर और शारीरिक शिक्षा अध्यापक विजय सिंह ने सभी अध्यापकों और विद्यार्थियों से सूक्ष्म आसन, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार करवाया। उन्होंने विद्यार्थियों को योग से होने वाले लाभ के बारे में भी बताया और दैनिक जीवन में भी प्रतिदिन योग अपनाने की प्रेरणा दी। सभी से निरोग और प्रसन्न रहने के लिए योग अपनाने का आह्वान किया। योग मन और तन को संतुष्ट रखने में मदद करता है। अंत में डीपीई भागीरथ ठाकुर ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों से ध्यान करवाया तथा विद्यालय के उपप्रधानाचार्य एलआर ठाकुर ने विद्यार्थियों को योग की महत्ता बताई कि योग करने वाला व्यक्ति योग न करने वाले व्यक्ति की तुलना में ज्यादा स्वस्थ और खुश रहता है। योग से आंतरिक खुशी मिलती है। आनंद की अनुभूति होती है और मन प्रसन्न रहता है। योग के दौरान ध्यान लगाया जाता है, जो शरीर और मस्तिष्क को मिलाने में मदद करता है। इस माैके पर विद्यालय के समस्त अध्यापकों व विद्यार्थियों ने भाग लिया।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन दाड़लाघाट द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर योग शिविर का आयोजन सेड़ी के प्रांगण में किया गया। इस मौके पर आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर आयुष विभाग जलाना (अर्की) की डॉ मीना शर्मा के सहयोग, सेड़ी के संयुक्त तत्वाधान में हुआ। इकाई प्रमुख अंबुजा सीमेंट लिमिटेड दाड़ला दीपक जसूजा ने योग दिवस पर अपने संदेश में जन भागीदारी को सुनिश्चित करने पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से लाभांवित हो सके और जीवन शैली में सुधार कर सकें। इस कार्यक्रम में समन्वयक सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना अजीत कुमार सिंह ने बताया की योग की महत्ता गैर संचारित रोग नियंत्रण में उपयोगी है, जो कि स्वस्थ जीवन की शुरुआत करने से मधुमेह और रक्तचाप की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। डॉ मीना शर्मा ने योग के विभिन्न आसनों और उससे होने वाले लाभ का वर्णन योग के आसनों को डॉ कमल ने प्रदर्शित किया और शिविर में शामिल व्यक्तियों ने देख कर सीखा। अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यक्रम प्रबंधक भूपेंद्र गांधी ने कहा कि समाज में लोक भागीदारी के माध्यम व जन समुदाय के सहयोग से मिलकर हम सभी स्वस्थ जीवन की शुरुआत कर सकते है और अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन इस कार्य हेतु सदैव तत्पर है। सेड़ी प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने अपने संदेश में योग से होने वाले लाभों को रेखांकित किया।योग शिविर में 150 अधिक लोगों को डॉ मीना ने प्रशिक्षित किया, जबकि कश्लोग, खाता, चंडी, मलावण, नवगांव, धुन्दन, ललहाना, सोहरा, संघोई और काटल इत्यादि गांव में करीब 500 से ज्यादा लोगो ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान नीलम, सुनीता देवी ने अन्य लोगों को योग सिखाया, जबकि अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के सामुदायिक स्वास्थ्य परियोजना और शिक्षा परियोजना के 42 गांवो में करीब 650 से अधिक विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, सेड़ी के ट्रेनीज, सखी बहनों और समुदाय के अन्य लोगों ने योग दिवस पर योग के विभिन्न आसनों को सीख और योग पर जागरूक किया गया।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार में योग दिवस मनाया। इस दौरान शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा, एनएसएस प्रभारी पूनम शर्मा और प्रधानाचार्य पुरुषोतम, गुलेरिया, लायन ईको क्लब प्रभारी ज्योतिका शर्मा, स्कॉउट एंड गाइड्स कप्तान किरण जोशी ने योग के आसन किए। शारीरिक शिक्षिका अरुणा शर्मा ने सभी बच्चों को विभिन्न प्रकार के योग आसन करवाए। इस संबंध में विद्यालय प्रधानाचार्य ने नित्य योग करने के लिए आह्वान किया। इस दौरान लगभग 250 बच्चों ने योग किया।
रंजीत ठाकुर। कुनिहार जिला पेंशनर्ज एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संगठन जिला सोलन की त्रैमासिक बैठक तथा चायल यूनिट पेंशनर्ज संघ का पांचवां स्थापना दिवस समारोह चायल के गुरुद्वारा मंदिर परिसर में आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि प्रदेश पेंशनर्ज कल्याण संगठन के राज्य अध्यक्ष आत्माराम शर्मा रहे, तो वहीं, पेंशनर्ज संगठन जिला सोलन के अध्यक्ष केडी शर्मा विशेष अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। सर्व प्रथम मुख्यातिथि द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उसके बाद सभी पेंशनरों ने उन साथी पेंशनरों जो हाल ही में स्वर्ग सिधार गए उनकी आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। वंदेमातरम् से कार्यक्रम का आगाज हुआ। चायल यूनिट प्रधान हरिदत्त शर्मा तथा मुख्य सलाहकार पलक राम कश्यप ने सभी अतिथियों का कार्यक्रम में पधारने के लिये धन्यवाद किया तथा मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों का शॉल व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश के कलाकारों ने कार्यक्रम में एक से एक रंगारंग प्रस्तुतियां दी। मुख्यातिथि आत्माराम शर्मा ने चायल यूनिट को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने पेंशनरों को संबाेधित करते हुए सरकार से मांग की कि पेंशनरों की पुरानी पेंशन बहाली व अन्य मांगों को गंभीरता से लेकर उन्हें शीघ्र पूरा करें। उन्होंने सभी पेंशनरों से एक जुटता से कार्य करने व संगठन को मजबूत करने की अपील की। संगठन जिला अध्यक्ष केडी शर्मा ने भी पेंशनरों को संबाेधित किया। इस अवसर पर हरिदत्त शर्मा, पलक राम कश्यप, शीशराम ठाकुर, जीआर भारद्वाज, डीडी कश्यप, मनसाराम पाठक, जगदीश पंवर, रविंद्र चंदेल, रेवती राम शर्मा, रोशन लाल कपूर, संत राम शांडिल, रुप कौशल, बेलीराम आजाद, बलवान कश्यप, हुक्म सिंह ठाकुर, हरीश शर्मा, कर्म चंद शर्मा, सूर्यकांत जोशी, जगदीश सिंह, कृष्ण लाल व अंजना शर्मा आदि पेंशनर्ज मौजूद रहे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट ग्राम सुधार सभा बसंतपुर की नई कार्यकारिणी के चुनाव प्रधान ग्राम पंचायत बसंतपुर रामचंद ठाकुर व उपप्रधान नरपत राम की अध्यक्षता में करवाए गए। इसमें पुरानी कार्यकारिणी को भंगकर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें प्रधान संतराम व उप प्रधान शीशराम को बनाया गया। वहीं, महासचिव जयप्रकाश, कोषाध्यक्ष बाबूराम तथा कार्यकारिणी के सदस्य प्रेमलाल, रोशन लाल, बलबीर, रामचंद, हेतराम, लेखराम, धनीराम व अनंत राम को कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया गया। इस मौके पर सभा के निर्वाचित प्रधान संतराम ने समस्त ग्राम पंचायत के सदस्यों का आभार व्यक्त किया ओर कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका वह सही से निर्वहन करेंगे। इस मौके पर ग्राम पंचायत बसंतपुर के प्रधान रामचंद ठाकुर, उप प्रधान नरपत राम, वार्ड सदस्य धनीराम, धन्ना लाल व कृष्ण चंद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दाड़लाघाट का जमा दो का परीक्षा परिणाम सराहनीय रहा। कला संकाय में प्रेरणा ठाकुर ने 500 में से 466 (93.2%) अंक लेकर प्रथम स्थान, कामना शर्मा ने 461 (92.2%) अंक लेकर दूसरा स्थान तथा अंजलि ने 449 (89.8%) अंक लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। वाणिज्य संकाय में कोमल ने 458 (91.6%) अंक लेकर प्रथम स्थान, हर्षा ने 433 (86.6%) अंक लेकर द्वितीय तथा हेमलता ने 426 (85.6%) अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। विज्ञान संकाय में भूमिका गौतम ने 425(85%) अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान, सौरभ ने 420 (84%) अंक लेकर द्वितीय तथा सुनिधि ने 409 (81.8%) अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस परीक्षा में सभी संकायों में प्रेरणा ठाकुर टॉपर रही, जिसे विद्यालय प्रधानाचार्य ने मिठाई खिलाकर बधाई दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गौतम ने उत्तम परीक्षा परिणाम के लिए सभी अध्यापकों व सभी विद्यार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं दी।
अभिभावकाें ने कहा-स्कूल प्रबंधन ने नहीं करवाया प्राथमिक उपचार अजय सूर्या । रिवालसर बल्ह विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत रिवालसर के एक निजी स्कूल में हाफ टाइम में खेल रहे एक बच्चे को गिरने से आई चोटें आईं हैं। इसके बाद प्राथमिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध न करवाने पर बच्चे के अभिभावकाें ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। जिसमें स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के कई संगीन आरोप लगाए हैं। बच्चे के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनका 9 वर्षीय बेटा जो 5वीं कक्षा में पढ़ता है, जो स्कूल मैदान में खेलते समय गिरने से चेहरे पर गंभीर चोट लगने से बुरी तरह से घायल हो गया, लेकिन स्कूल प्रवंधन ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया और बच्चे को उसी हाल पर छोड़ दिया न तो उसे कोई प्राथमिक सुबिधा उपलब्ध करवाई और न ही बच्चे के माता-पिता को इस बारे में जानकारी दी। जब चोटिल छात्र के माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन से इस बारे शिकायत की, तो उन्होंने उल्टे धौंस दिखाई तथा बच्चे को किसी और स्कूल में पढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने अलग से इस सबंध में मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हैल्प लाइन में भी शिकायत दर्ज करवाई है, जब इस संदर्भ में स्कूल प्रबंधक के चेयरमैन से बात की, तो उन्होंने कहा कि बच्चे के चेहरे पर पहले से ही चोट के निशान थे। स्कूल की तरफ से कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। उन्होंने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। रिवालसर पुलिस चौकी प्रभारी तनुजा ठाकुर ने बताया कि उन्हें बच्चे के पिता की तरफ से घटना को लेकर शिकायत मिली है। पुलिस आगामी कार्यवाई कर रही है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बीते शनिवार को बाहरवी का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। कक्षा 12वीं में 93.91 फीसदी छात्र पास हुए हैं। HPBOSE ने राज्य में कक्षा बारहवीं की बोर्ड परीक्षा का आयोजन 22 मार्च से लेकर 13 अप्रैल तक किया था। बारहवीं बोर्ड की परीक्षा में कुल 87,871 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया था। 82342 परीक्षार्थी पास हुए हैं, 3379 को कंपार्टमेंट आई हैं, जबकि 1889 फेल हुए हैं। वंही एसवीएन स्कूल कुनिहार के छात्रों ने भी बोर्ड की परीक्षा में अपनी काबिलियत लोहा मनवाया है। परीक्षा परिणाम में विज्ञान संकाय में पलक कौशल ने 500 में से 454 अंक, स्मृति दर्जन ने 446 अंक, अंचल ने 421 अंक, विशाल वर्मा ने 415 अंक व आकाश ने 413 अंक हासिल किये है। इसी तरह कॉमर्स संकाय में कशिश जोशी ने 500 में से 460 अंक, प्रिंस कौशल ने 455, कृतिका ने 425 व कार्तिक शर्मा ने 412 अंक हासिल किये है। कला संकाय में दीपक कुमार ने 500 में से 428 अंक लेकर स्कूल का नाम रोशन किया है। उधर परीक्षा परिणामों से उत्साहित छात्रों ने स्कूल पहुँच कर अपने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया। शिक्षकों ने इन होनहार छात्रों का मुँह मीठा कर इन्हे बाधाई दी। छात्रों ने बताया कि कोरोना काल में भी उन्होंने पढाई को नही छोड़ा और कड़ी मेहनत के बाद आज उनके ये परिणाम आए है। छात्रों ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने स्कूल के अध्यापकों व अपने माता पिता को दिया है।
अस्पताल की अव्यवस्थाओं कोई भी कर सकेगा उजागर आशीष आजाद। साेलन सोलन अस्पताल में पिछले दिनों फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने से रोकने के लिए लगाए बोर्ड स्वास्थ्य मंत्री के कार्रवाई करने के बयान के बाद हटा दिए गए हैं। सोमवार सुबह सोलन अस्पताल ने जगह जगह लगाए गए यह बोर्ड सुबह सवेरे ही उतार दिए गए थे। गौरतलब है कि अस्पताल में सुविधाओं की कमी तो किसी से छिपी नहीं रही है, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने इस बीच ऐसे बोर्ड चेतावनी के रूप में अस्पताल की दीवारों पर जगह-जगह लगवा दिए, जिसमे फोटो और वीडियो अस्पताल परिसर में करने पर कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। रविवार को मीडिया को इस मामले बयान देते हुए स्वास्थय मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि ऐसे आदेश जारी करना बिल्कुल उचित नहीं है। इसलिए ऐसा करने वाले अधिकारी पर को कार्रवाई बनती है, उसके तहत कार्रवाई की जाएगी। इस बयान के अगले ही दिन सोलन अस्पताल से यह बोर्ड उतार दिए गए हैं। बोर्ड लगने के बाद से सोलन अस्पताल प्रशासन लोगों के निशाने पर आ गया था। इस फैसले की चारों ओर निंदा होने लगी थी। बोर्ड उतारे जाने के फैसले के बाद जनता ने स्वास्थ्य मंत्री की कार्रवाई की तारीफ की है। आदेश पर क्या था कांग्रेस का रूख कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अमन सेठी ने भी इस फरमान पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि यह सरासर तानाशाई है और अस्पताल की नाकामियों को छुपाने के लिए इस तरह के आदेश दिए गए थे। उन्होंने कहा की अस्पताल प्रशासन के इस फैसले पर स्वास्थ्य मंत्री संज्ञान नही लेते, तो कांग्रेस इसका बड़े स्तर पर विरोधी करेगी।
कहीं बदलते समीकरण, तो कहीं बदलती निष्ठाएं। कहीं अंतर्कलह, कहीं हावी निजी महत्वकांक्षाएं। कमोबेश जिला सोलन की पांचों विधानसभा सीटों का ये ही सूरत - ए- हाल है। सत्ता में होने के बावजूद भाजपाई जोश फीका है तो विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस में धार नहीं दिख रही। वहीं आम आदमी पार्टी कोशिश तो कर रही है पर कुछ ज्यादा फर्क पड़ा हो, ऐसा नहीं लगता। अलबत्ता, जिला कांगड़ा और मंडी के बराबर न सही, लेकिन सोलन का सियासी वजन इतना जरूर है कि विधानसभा चुनाव में ये जिला मिशन रिपीट या डिलीट के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वर्तमान में सोलन जिला की पांच सीटों में से तीन पर कांग्रेस काबिज है और दो पर भाजपा का कब्ज़ा है। सोलन, अर्की और नालागढ़ में कांग्रेस तथा कसौली और दून निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के विधायक है। जिला सोलन में जयराम राज में भाजपा का प्रदर्शन फीका रहा है। सोलन नगर निगम चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। इसके पहले परवाणु नगर परिषद् चुनाव में भाजपा हारी तो बद्दी और नालागढ़ में नतीजों के बाद जोड़ -तोड़ से पार्टी के अध्यक्ष बने। नगर पंचायत अर्की चुनाव भी पार्टी हारी, हालांकि कंडाघाट नगर पंचायत चुनाव भाजपा जीती। वहीँ इसके बाद हुए अर्की उपचुनाव में भी पार्टी को शिकस्त मिली। जिला सोलन में दोनों ही पार्टियों के संगठन को लेकर भी सवाल उठते रहे है। कांग्रेस संगठन की अगुवाई शिव कुमार कर रहे है, तो भाजपा की आशुतोष वैद्य। बतौर जिला अध्यक्ष दोनों ही नेता अब तक छाप छोड़ने में कामयाब नहीं दिखे है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष के तो गृह बूथ पर भी कांग्रेस बेहतर करती नहीं दिखी है। अमूमन पुरे कांग्रेस संगठन का हाल ही ऐसा दिखा है लेकिन जिला अध्यक्ष को लेकर अक्सर पार्टी के भीतर भी सवाल उठे है। विशेषकर जिला मुख्यालय सोलन में ब्लॉक और शहरी कांग्रेस के साथ उनका तालमेल नहीं दिखता। माना जा रहा था कि प्रदेश में हुए बदलाव के बाद कांग्रेस संगठन को धार देने के लिए जिला स्तर पर बदलाव करेगी, किन्तु अब तक ऐसा नहीं हुआ है। वहीं आशुतोष तो लेकर भाजपा संगठन में स्वीकार्यता की कमी उजागर होती है। जानकार मानते है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं -कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर सके, ऐसी झलक आशुतोष में नहीं दिखती। नालागढ़ : संभवतः राणा और ठाकुर में होगा मुकाबला, दोनों तरफ अंतर्कलह न कोई कम, न कोई ज्यादा। नालागढ़ निर्वाचन क्षेत्र की सियासत का हाल कुछ ऐसा ही है। कांग्रेस-भाजपा दोनों यहाँ बराबर है और इस पर अब आम आदमी पार्टी की एंट्री ने सियासत में उबाल ला दिया है। अलबत्ता अभी विधानसभा चुनाव में करीब 6 माह का वक्त है लेकिन आधा दर्जन से ज़्यादा भावी उम्मीदवार मैदान में उतर चुके है। कांग्रेस से वर्तमान विधायक लखविंदर राणा मोर्चा संभाले हुए है तो भाजपा से पूर्व विधायक के एल ठाकुर भी ताव में है। जबकि नए नवेले आम आदमी हुए पूर्व जिला परिषद् अध्यक्ष धर्मपाल चौहान दोनों के अरमानों पर झाड़ू फेरने की ताक में है। हालांकि धर्मपाल अभी तक तो मानो औपचारिकता पूरी करते ही दिख रहे है। भाजपा की वर्तमान स्थिति की बात करें तो पिछली बार खेल खराब करने वाले हरप्रीत सैनी का इरादा इस बार भी मैदान में उतरने का लग रहा है। भाजपा के जिला अध्यक्ष आशुतोष वैद्य का नाम भी चर्चा में है। पर दावा के एल ठाकुर का ही मजबूत है। उधर कांग्रेस से लखविंद्र राणा के अलावा एक और चेहरा है जिस पर निगाहें टिकी है, वो है बावा हरदीप सिंह। बावा पिछले चुनाव में कांग्रेस के बागी थे और पार्टी में वापसी के बाद इस बार भी टिकट के लिए दावा ठोक रहे है। दिलचस्प बात ये है कि राणा सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ज़्यादा करीबी है तो बावा होलीलॉज कैंप से आते है। नालागढ़ निर्वाचन क्षेत्र के अतीत में झांके तो भाजपा से हरि नारायण सिंह सैनी ने लगातार तीन बार कमल खिलाया था। वे वर्ष 1998, 2003 व 2007 में विधायक रहे। उनके निधन के बाद 2011 में हुए उपचुनाव में कांग्रेस के लखविंद्र सिंह राणा ने बाज़ी मारी। पर एक ही साल में जनता का राणा से मोह भंग हो गया और 2012 के विधानसभा चुनाव में राणा को शिकस्त का सामना करना पड़ा। वहीं भाजपा उम्मीदवार के एल ठाकुर पहली बार विधायक बने। 2017 के चुनाव की बात करें तो नालागढ़ से एक बार फिर लखविंदर सिंह राणा और के एल ठाकुर आमने -सामने थे। हालांकि यहाँ राणा ने बाज़ी मारी किन्तु बेहद रोचक मुकाबला देखने को मिला। कांग्रेस का टिकट न मिलने पर बाबा हरदीप सिंह ने बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ा और साढ़े सात हज़ार वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। जबकि भाजपा के बागी हरप्रीत सैनी ने करीब दो हज़ार वोट हासिल कर ठाकुर का खेल खराब कर दिया था। वर्तमान में लखविंदर सिंह राणा ही नालागढ़ कांग्रेस का मुख्य चेहरा है। राणा इस सीट से पांच चुनाव लड़ चुके है। उन्होंने पहली बार वर्ष 2003 में बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इसके बाद हुए तीन विधानसभा चुनाव और एक उपचुनाव में कांग्रेस ने उन्हें ही टिकट दिया है जिसमें से दो बार उन्हें जीत मिली है। कसौली : क्या हरमेल फैक्टर का इलाज निकाल पाएंगे डॉक्टर ! कसौली निर्वाचन क्षेत्र में एक तरफ मिस्टर क्लीन इमेज वाले वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सैजल के साथ भाजपा की पूरी टीम जीत का चौका लगाने के लिए मैदान में है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस जीत का सूखा खत्म करने की फिराक में। और इन दोनों का खेल बिगाड़ने की जुगत में मैदान में आम आदमी पार्टी की एंट्री भी हो चुकी है। कसौली निर्वाचन क्षेत्र हिमाचल प्रदेश के ऐसे निर्वाचन क्षेत्रों में से है जो हमेशा आरक्षित रहे है। ऐसे में इस क्षेत्र के कई कद्दावर नेताओं की विधायक - मंत्री बनने की हसरत कभी पूरी नहीं हुई। कुछ की उम्र संगठन की सेवा में बीत गई, तो कुछ को सत्ता सुख के नाम पर बोर्ड - निगमों में एडजस्ट कर दिया गया। ऐसा भी माना जाता है कि सामान्य वर्ग से आने वाले कई नेताओं ने कई मौकों पर अपनी पार्टी प्रत्याशी की राह में ही कांटे डाले ताकि उनकी कुव्वत बनी रहे। कसौली निर्वाचन क्षेत्र लम्बे अरसे तक कांग्रेस का गढ़ रहा। 1982 से 2003 तक हुए 6 विधानसभा चुनावों में से पांच कांग्रेस ने जीते और पांचों बार प्रत्याशी थे रघुराज। सिर्फ 1990 की शांता लहर में एक मौका ऐसा आया जब रघुराज भाजपा के सत्यपाल कम्बोज से चुनाव हारे। 2003 में प्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनी और वीरभद्र सरकार में रघुराज मंत्री बने। मंत्री बनने के बाद कसौली के लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ी और शायद इसी का खामियाजा रघुराज को 2007 में उठाना पड़ा, जब वे चुनाव हार गए। तब जमीनी स्तर पर रघुराज के खिलाफ नाराज़गी दिखी थी। उन्हें हराने वाले थे भाजपा के डॉ राजीव सैजल। 36 साल के सैजल का ये पहला चुनाव था, पर कसौली की जनता ने रघुराज पर युवा सैजल को वरीयता दी और वे चुनाव जीत गए। तब पहला चुनाव जीतने वाले सैजल वर्तमान में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री है। अब तक सैजल जीत की हैट्रिक लगा चुके है और अब जीत का चौका लगाने की तैयारी में है। हालांकि उनकी राह ज़रा भी आसान नहीं दिख रही। इसमें कोई संशय नहीं है कि मामूली अंतर से बीते दो चुनाव जीतने वाले सैजल को इस बार भी एड़ी चोटी का ज़ोर लगाना पड़ेगा। भाजपा की मुश्किलें बढ़ाने के पीछे हरमेल धीमान का भी बड़ा हाथ है। बीते दिनों कसौली भाजपा के वरिष्ठ नेता व भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष हरमेल धीमान ने भाजपा छोड़ आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। वह पिछले चुनाव के दौरान टिकट की मांग कर रहे थे लेकिन टिकट राजीव सैजल को ही मिला। पिछली बार भी पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल के मनाने पर उन्होंने डॉक्टर राजीव सैजल के लिए चुनाव में काम किया था । हरमेल धीमान खुद तो आप में गए ही लेकिन साथ ही वे भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष देवराज ठाकुर व मंडल के पूर्व उपाध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य जगदीश पंवर समेत अन्य समर्थकों को भी आम आदमी पार्टी में ले गए। ज़ाहिर है इन निष्ठावान सिपाहियों की निष्ठा में परिवर्तन का नुक्सान भाजपा को भारी पड़ सकता है। वहीं लगातार तीन चुनाव हारने के बाद कांग्रेस के लिए ये चुनाव काफी महत्वपूर्ण है और शायद यही कारण है कि विनोद सुल्तानपुरी अभी से प्रो एक्टिव दिख रहे है। सुल्तानपुरी बीते एक साल से जनता के बीच है भी और उनकी सुन भी रहे है। अगर परवाणु को छोड़ दिया जाए तो बीते साढ़े तीन साल में कांग्रेस हर जगह बैकफुट पर दिखी है। जाहिर है पिछले दो चुनाव में मामूली अंतर से हारने वाले सुल्तानपुरी इस बार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। माना जाता है कि कांग्रेस का भीतरघात पिछले चुनावों में उन पर भारी पड़ा, पर अब सुल्तानपुरी सक्रिय भी है और निरंतर लोगों के बीच भी। वहीं ऐसा तो नहीं कहा जा सकता कि पार्टी अब पूरी तरह एकजुट हो लेकिन कांग्रेस में विनोद सुल्तानपुरी विरोधी खेमे का दमखम अब पहले से कुछ कम जरूर दिखता है। ये सुल्तानपुरी के लिए राहत की बात जरूर होगी। यहाँ ये बताना भी जरूरी है कि टिकट दावेदारों में भी विनोद सुल्तानपुरी के समकक्ष कोई मजबूत दावेदार नहीं दिखता। सोलन : कांग्रेस में कर्नल, तो भाजपा में कोई सर्वमान्य नेता नहीं ! सोलन निर्वाचन क्षेत्र में वर्ष 2000 में उपचुनाव हुआ था। तब अप्रत्याशित तौर पर पूर्व मंत्री महेंद्र नाथ सोफत का टिकट काट कर भाजपा ने डॉ राजीव बिंदल को टिकट दिया था, और पहली बार बिंदल विधायक बने थे। इसके बाद डॉ बिंदल ने 2003 और 2007 में भी जीत दर्ज की। 2007 से 2012 तक बिंदल मंत्री भी रहे और सोलन की राजनीति में उनका खूब डंका बजा। किन्तु धूमल सरकार के जाते -जाते भ्रष्टाचार के आरोप के चलते उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। 2012 में सोलन सीट आरक्षित हो गई तो डॉ राजीव बिंदल नाहन चले गए। इसके बाद से सोलन में भाजपा का कोई चेहरा स्थापित नहीं हो पाया। सोलन भाजपा की राजनीति में बिंदल की दखल और असर दोनों दिखते रहे। 2012 में कुमारी शीला को टिकट दिलवाना और 2017 में शीला का टिकट कटवाकर डॉ राजेश कश्यप की एंट्री करवाना भी बिंदल के असर का ही परिणाम समझा जाता रहा है। पर माना जाता है कि 2017 के चुनाव में डॉ बिंदल के कुछ निष्ठावानों ने डॉ राजेश कश्यप का साथ नहीं दिया, सो चुनाव में हार के बाद डॉ राजेश कश्यप महेंद्र नाथ सोफत के साथ हो लिए। इस बीच जब डॉ राजीव बिंदल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने तो डॉ राजेश कश्यप फिर साइडलाइन होने लगे लेकिन बिंदल को स्वास्थ्य घोटाले के चलते इस्तीफा देना पड़ा और इसके बाद नगर निगम चुनाव में भी उनका जादू नहीं चला, तो अब उनका दखल सोलन में शायद न दिखे। वहीं इस वक्त टिकट को लेकर भाजपा में एक अनार सौ बीमार वाली स्थिति है। बेशक डॉ राजेश कश्यप प्रो एक्टिव दिख रहे हो लेकिन दावेदारों की फेहरिस्त में तरसेम भारती और कुमारी शीला के साथ -साथ पूर्व सांसद और डॉ कश्यप के बड़े भाई प्रो. वीरेंदर कश्यप का नाम भी है। वीरेंदर कश्यप दो बार सांसद रहे है और पार्टी के आदेश पर चुनाव लड़ने की बात भी कह चुके है। ऐसे में जानकार मानते है कि डॉ राजेश के विरोधी भी प्रो. वीरेंदर कश्यप के नाम को आगे बढ़ा सकते है। कांग्रेस की बात करें तो 2012 में पहली बार कर्नल धनीराम शांडिल ने विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। शांडिल चुनाव जीतते ही कैबिनेट मंत्री बन गए। 2017 के चुनाव में शांडिल दूसरी बार विधायक बने। कर्नल शांडिल का कोई विकल्प फिलहाल कांग्रेस के पास नहीं दिख रहा। हालांकि वीरभद्र गुट को शांडिल ख़ास रास नहीं आते। जनवरी में हुए जिला परिषद चुनाव और अप्रैल में हुए नगर निगम चुनाव में भी टिकट वितरण को लेकर ये खींचतान स्पष्ट देखने को मिली। बावजूद इसके शांडिल ही सोलन में कांग्रेस का प्राइम फेस है। दरअसल, शांडिल की ताकत ये है कि वे गुटबाजी से हमेशा फासला रखते है। हालांकि कर्नल विरोधी मेयर पूनम ग्रोवर का नाम भी आगे कर रहे है लेकिन ये मात्र हवाई कयास ही लग रहे है। ग्राउंड रियलिटी की बात करें तो कर्नल ही एकमात्र ऐसा चेहरा है। दून विधानसभा : कांग्रेस के राम तो भाजपा में टिकट को कोहराम ! बीते तीन दशक में दून निर्वाचन हलके की राजनीति बेहद दिलचस्प रही है। 1990 की शांता लहर में जनता दल के टिकट पर चौधरी लज्जा राम विधायक चुन कर आये थे। पर 1993 आते -आते चौधरी लज्जा राम ने पार्टी बदल ली और कांग्रेस का हाथ थाम लिया। इसके बाद 1993, 1998 और 2003 के विधानसभा चुनाव में चौधरी लज्जा राम यहाँ से विधायक रहे। पर 2007 के चुनाव में उन्हें भाजपा की विनोद चंदेल ने परास्त कर पहली बार कमल खिलाया। फिर आया 2012 का बेहद रोचक चुनाव। कांग्रेस ने चौधरी लज्जा राम के पुत्र राम कुमार को मैदान में उतारा, तो वहीँ भाजपा ने विनोद चंदेल को ही टिकट थमाया। इस मुकाबले में विजय राम कुमार चौधरी की हुई, पर दिलचस्प बात ये रही कि भाजपा चौथे पायदान पर रही। दरअसल, कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों से बागी उम्मीदवार भी मैदान में थे। भाजपा के बागी दर्शन सिंह जहाँ 11 हज़ार से अधिक वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे, तो कांग्रेस के बागी परमजीत सिंह पम्मी भी 10 हज़ार से ज्यादा वोट ले गए और तीसरे स्थान पर रहे। इस बीच ज्योति हत्याकांड में विधायक राम कुमार चौधरी का नाम खूब उछला। उधर राम कुमार के रहते परमजीत सिंह पम्मी को कांग्रेस में भविष्य नहीं दिख रहा था। सो पम्मी ने भाजपा का दामन थाम लिया। जैसा अपेक्षित था 2017 में भाजपा ने पम्मी को मैदान में उतारा और कांग्रेस से एक बार फिर राम कुमार चौधरी मैदान में थे। इस मुकाबले में पम्मी ने जीत दर्ज की। अब फिर दून की सियासत गरमाई हुई है। जैसे - तैसे जोड़ -तोड़ कर भाजपा ने स्थानीय निकाय पर बेशक कब्ज़ा कर लिया हो लेकिन कांग्रेस भी यहाँ कमजोर नहीं दिखती। राम कुमार चौधरी पूरी तरह सक्रीय भी है और कांग्रेस का प्राइम फेस भी। उधर भाजपा में परमजीत सिंह पम्मी को दर्शन सिंह सैनी और बलविंद्र ठाकुर से चुनौती मिलती दिख रही है। माहिर मान रहे है कि भाजपा में टिकट के लिए कोहराम की स्थिति से भी इंकार नहीं किया जा सकता। अर्की : कांग्रेस से अवस्थी, ठाकुर का ऐलान और भाजपा को चेहरे की तलाश अर्की में राजा वीरभद्र सिंह के जाने के बाद हुए उपचुनाव में कांग्रेस के संजय अवस्थी ने जीत हासिल की। यहां भाजपा में चल रहे भारी अंतर्कलह का फायदा स्पष्ट तौर पर कांग्रेस को मिलता हुआ दिखाई दिया। हालाँकि इस बार भाजपा मिशन रिपीट के लिए कोई रिस्क लेती नज़र नहीं आ रही है तो ज़ाहिर है कांग्रेस को भी और कड़ी मेहनत करनी होगी। लगातार दो चुनाव हारने के बाद भाजपा इस दफा भी रतन सिंह पाल पर भरोसा जताएगी, इसकी सम्भावना कम ही है। हालाँकि रतन सिंह पाल अब भी पूरी तरह मैदान में डटे हुए है। 2017 के चुनाव में पार्टी ने गोविंद राम शर्मा का टिकट काट कर यहां रतन सिंह पाल को मैदान में उतारा था तब कांग्रेस से वीरभद्र सिंह ने रतन सिंह पाल को हरा कर अर्की पर राज किया। उपचुनाव में भी पार्टी ने रतन सिंह पाल को ही टिकट दिया। उस दौरान भी भाजपा का एक धड़ा रतन पाल का खुलकर विरोध कर रहा था। नतीज़न भारी अंतर्कलह के कारण भाजपा को उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा। अब कयास है की इस बार अर्की निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा किसी नए चेहरे पर भी दांव खेल सकती है। क्षेत्र में एक नए चेहरे को लेकर सुगबुगाहट भी तेज़ हो गयी है।वहीं कांग्रेस की बात करें तो प्रतिभा सिंह के प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालने के बाद अर्की निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के लिए भी सियासी समीकरण बदलने के आसार है। उपचुनाव में पार्टी ने सुखविंद्र सिंह सुक्खू के करीबी और 2012 में पार्टी प्रत्याशी रहे संजय अवस्थी को अपना उम्मीदवार बनाया था। इसके बाद होलीलॉज के करीबी रहे राजेंद्र ठाकुर ने अपने समर्थकों सहित पार्टी छोड़ दी थी। हालांकि ठाकुर ने बतौर निर्दलीय चुनाव तो नहीं लड़ा लेकिन पार्टी के लिए काम भी नहीं किया। तब से अब तक ठाकुर कांग्रेस से बाहर है। राजेंद्र ठाकुर इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके है।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी (अर्की) का प्रथम सरस्वती स्थापना दिवस व वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि जिलाधीश सोलन कृतिका कुल्हारी रही। जिला उप शिक्षा निदेशक एलिमेंट्री दिवान चंदेल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वहीं, जिलाधीश सोलन की माता उर्मिला कुल्हारी विशेष अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में उपस्थित रही। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति व स्कूल के छात्र छात्राओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यातिथि व साथ आए अतिथियों द्वारा मां सरस्वती का पूजन कर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर हुई। स्कूल की छात्राओं द्वारा वन्दे मातरम् व सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। तत्पश्चात स्कूल प्रबंधन समिति द्वारा मुख्य अतिथि व साथ आए अतिथियों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रबंधन समिति के अध्यक्ष टेक चंद ने अपने सम्बोधन में मुख्य अतिथि व आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया व स्कूल की समस्याओं को उजागर किया। शिक्षा उप निदेशक सोलन दिवान चंदेल ने अपने सम्बोधन में बच्चों से कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया।प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी व स्कूल की शैक्षणिक व शारीरिक गतिविधियों से मुख्यातिथि को अवगत करवाया।मुख्यातिथि जिलाधीश सोलन कृतिका कुल्हारी ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के लिए सहज व स्वभाविक शिक्षा सुनिश्चित करें। अपनी उम्मीदों के दबाव तले अपने बच्चों कों न पिसने दें। आज बच्चों के शारीरिक विकास में सबसे बड़ी बाधा पढ़ाई के कारण पैदा होने वाला मानसिक दबाव है। उन्होंने प्रशासन की ओर से स्कूल को हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम में नायब तहसीलदार दाडलाघाट इन्द्र कुमार, अंबुजा सीमेंट फाउंडेशन के कार्यक्रम अधिकारी भूपेन्द्र गांधी, पंचायत प्रधान नोख राम, उप प्रधान तुलसीराम, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान टेक चंद, पूर्व आदर्श शिक्षा समिति के प्रधान बाबूराम, पूर्व प्रधान मदन ठाकुर, जय चंद, विभिन्न विभागों के अधिकारी व बच्चों के अभिभावक, स्कूल स्टाफ व बच्चे भी उपस्थित रहे। ये बच्चे हुए सम्मानित वार्षिक परीक्षा में कक्षा छठी से 12वीं तक टॉपर बच्चों को जिलाधीश सोलन कृतिका कुल्हारी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले छात्र छात्राओं में राहुल, दीक्षा, दीपिका, मनीष, ललित, राज, मोहित, आशीष, मनीषा, शिवानी, हर्षा, प्रिया, आंचल, नीरज, गुंजन, तमन्ना, कोमल, कशिश, हर्षिता व आंचल आदि शामिल रहे। वहीं हर्षिता को बेस्ट स्टूडेंट्स का अवार्ड दिया गया।
कहा, सरकार मांगों पर नहीं दे रही ध्यान, चुनाव में भुगतने पड़ सकते हैं विपरीत परिणाम आशीष आजाद । साेलन जिला मुख्यालय सोलन में न्यू पेंशन स्कीम सोलन एसोसिएशन की ओर से मॉल रोड सोलन पर रविवार को पेंशन संकल्प रैली का आयोजन किया गया। रैली में एनपीएस प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर सहित जिला के पांचो खंडों से विभिन्न विभागों के सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया। इस संकल्प रैली के माध्यम से एक बार पुन: पुरानी पेंशन को बहाल करने की मांग की गई। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली के लिए न केवल प्रदेश के सभी जिलों में, बल्कि पूरे देश भर में संघर्ष जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संघर्ष जोर पकड़ चुका है। पूरा विश्वास है कि प्रदेश में भी पेंशन बहाल होगी। साथ ही उन्होंने कहा कि इन दिनों प्रदेश के सभी जिलों में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कर्मचारी रेलिया निकाल रहे हैं। यदि प्रदेश सरकार फिर भी पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कोई नीति नहीं अपनाती, तो आने वाले मानसून सत्र में एक बार फिर नई पेंशन कर्मचारी महासंघ के प्रदेश भर के सभी कर्मचारी विधानसभा का घेराव करेंगे, जिसमें पिछली बार के मुकाबले ज्यादा कर्मचारी शामिल होंगे। इस मौके पर नई पेंशन योजना कर्मचारी महासंघ सोलन के अध्यक्ष अशोक ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का कर्मचारी लगातार ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग कर रहा है, लेकिन सरकार सुन नहीं रही है। उन्होंने कहा कि मानसून विधानसभा सत्र से पहले सरकार इस मांग को माने इसको लेकर आज सोलन में पेंशन संकल्प रैली निकाली गई है। उन्होंने कहा कि हमारा सिर्फ एक ही मांग वो है, पुरानी पेंशन लागू करना और सरकार को ये लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एक कमेटी का गठन भी किया है, लेकिन खेद का विषय है कि एक भी बैठक नहीं हो पाई। सरकार से मांग की गई कि कमेटी में एनपीएस के एक अधिकारी को रखा जाए, लेकिन सरकार ने महासंघ की बात को दरकिनार किया गया। इस कारण एक बार फिर कर्मचारियों को सड़कों पर उतरने को विवश होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक है। यदि सरकार अब भी नहीं जागी, तो इसके विपरीत परिणाम उन्हें भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उनकी मांगों की तरफ ध्यान देकर उसे जल्द पूरा करेंगे।
रंजीत ठाकुर। कुनिहार जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में चल रहे एनसीसी के वार्षिक ट्रेनिंग कैंप-219 के चौथे दिन विभिन्न विद्यालयों से आए कैडेट्स ने कैंप की अलग-अलग गतिविधियों में भाग लिया। आज मुख्य रूप से फायर ब्रिगेड की टीम ने ऑफिसर कमलजीत कंवर के नेतृत्व में कैडेट्स को आपदा के समय हौंसले व कैसे कार्य करना है। इस बारे व्यवहारिक तौर पर विस्तार से जानकारी दी। कैडेट्स ने ड्रिल व फायरिंग का अभ्यास भी किया। इस अवसर पर कमांडिंग ऑफिसर विक्रमजीत सिंह पनाग, लेफ्टिनेंट कर्नल विनोद कुमार, सूबेदार मेजर दिनेश सिंह, फायर ऑफिसर कमलजीत कंवर, थर्ड ऑफिसर एमएल मेहरा और एचआई मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
रंजीत ठाकुर। कुनिहार कुनिहार की प्रसिद्ध प्राचीन शिव तांडव गुफा में 20 जून जेष्ठ सोमवार के उपलक्ष्य पर गुफा विकास समिति व शम्भू परिवार के सौजन्य से विशाल भंडारा करवाया जा रहा है। समिति अध्यक्ष रामरतन तनवर ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 जून रविवार से गुफा में दो दिवसीय रामचरित मानस कथा का दो दिवसीय पाठ का शुभारंभ हुआ, जिसे जेष्ठ सोमवार को हवन व पुर्णाहुति के सात विराम दिया जाएगा। उसके बाद सभी क्षेत्र वासियो को भंडारा वितरित किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्र वासियों से गुफा में विराजमान प्राकृतिक शिवलिंग के दर्शन करने व भंडारा ग्रहण करने की अपील की है।
जिला परिषद कर्मचारियों की मांग पूर्ण नहीं हुई हैं। इस कारण मुलाजिम आंदोलन पर जा रहे हैं। इससे पहले पूर्व जिला परिषद कैडर कर्मचारी-अधिकारी महासंघ इकाई विकास खण्ड ने विकास खंड अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संघ ने अपनी मांगें गिनवाई हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि जिला परिषद कर्मचारी अधिकारी महासंघ पिछले कई वर्षों से विभाग में विलय की मांग कर रहे है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के साथ 24 मई को एक मीटिंग भी हुई थी। इसमें मुख्यमंत्री द्वारा समस्त जिला परिषद कर्मचारिओं को आश्वस्त किया गया था कि जल्द ही उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा। लेकिन अभी तक कुछ भी नहीं किया गया है। इस कारण मुलाजिमों में रोष है। उन्होंने कहा है कि राज्य कार्यकारिणी ने 10 जून को निदेशक ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग हिमाचल प्रदेश को लिखित रूप में ज्ञापन दिया है कि वे पेन डाउन हड़ताल पर चले जाएंगे,इसका समर्थन करते हुए इकाई नालागढ़ के जिला परिषद कैडर के समस्त कर्मचारी, अधिकारी व मनरेगा में वेतन प्राप्त कर रहे तकनीकी सहायकों द्वारा भी निर्णय लिया गया है कि यदि 24 जून तक सरकार द्वारा विभाग में विलय नहीं किया जाता है तो समस्त कर्मचारी व अधिकारी पैन डाउन हड़ताल पर जाने पर मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि 25 जून से उपरोक्त जिला परिषद महासंघ के कर्मचारी व अधिकारी सामूहिक तौर पर पैन डाउन हड़ताल पर कार्यालय विकास खंड कुनिहार में बैठ जाएंगे।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं के परीक्षा परिणाम में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुंदन का परिणाम सराहनीय रहा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा मार्च,2022 में ली गई जमा दो की द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। इसमें राजकीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय धुंदन का परीक्षा परिणाम 97.23 प्रतिशत रहा, जिसमें 110 में से 102 विद्यार्थी अच्छे नंबर लेकर पास हुए है। कला संकाय में हिमानी भगत ने 461 नंबर लेकर प्रथम स्थान, वर्षा शर्मा ने 457 नंबर लेकर दूसरा व दीक्षा ने 452 नंबर लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। वाणिज्य संकाय में रोहित कौशल ने 438 अंक लेकर प्रथम स्थान, प्रवीण ने 428 अंक लेकर दूसरा व उदित चंदेल ने 402 नंबर लेकर तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि विज्ञान संकाय में रितिका ने 449 अंक लेकर प्रथम स्थान, मुस्कान ने 438 अंक लेकर दूसरा स्थान व नितिन ने 423 अंक लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रधानाचार्य सरताज सिंह राठौर ने सभी विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों और सभी अध्यापकों को हार्दिक शुभकामनाएं व बधाई दी। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता मोहिंदर पाल, नरेंद्र कपिला, विनोद कुमार, धनी राम, जेपी मिश्रा, सुरेंद्र कुमार, अमर सिंह वर्मा, मदन लाल, मुकेश कुमार, जितेंद्र चंदेल, विजय कुमार, नीरज, रंजना, सुषमा, नीलम शुक्ला, रेणुका, अनीता कौंडल, अंजना, संतोष, रेखा, डॉक्टर अनीता बीना सहित स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
रंजीत सिंह । कुनिहार जिला परिषद कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में मर्ज करने को लेकर जिला परिषद कैडर कर्मचारी अधिकारी महासंघ ने सरकार को फिर से अल्टीमेटम दिया है। महासंघ ने कहा है कि अगर 25 जून से पहले कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में मर्ज नहीं किया, तो पेन डाउन स्ट्राइक की जाएगी। विकास खंड कुनिहार इकाई अध्यक्षा विजयलक्ष्मी नेगी की अगुवाई में जिला परिषद कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी कुनिहार तारा शर्मा को अपनी मांगों को उनके माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा है। इसमें कर्मचारी महासंघ ने प्रदेश सरकार से पुरजोर मांग की है। जैसा कि हमारी लंबे समय से यही मांग रही है कि हम सभी जिला परिषद केडर के कर्मचारियों पंचायती राज विभाग अथवा ग्रामीण विकास विभाग में किया जाए। हिमाचल प्रदेश में जिला परिषद कैडर के कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में मर्ज करने की फाइल वित्त विभाग के पास अटकी हुई है। वित्त विभाग से जिला परिषद कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में मर्ज करने के लिए अभी तक अनुमति नहीं मिली है। ऐसे में अभी जिला परिषद कर्मचारियों को मर्ज करने के मसले में देरी क्यों हो रही है। जिला परिषद कर्मचारी अधिकारी महासंघ कुनिहार इकाई ने आरोप लगाया है कि वित्त विभाग व पंचायती राज विभाग की ओर से जानबूझ कर मामले को लटकाया जा रहा है। कर्मचारियों का पंचायतीराज विभाग में मर्ज कैसे हो सकता है। इस बारे में कर्मचारियों व अधिकारियों की ओर से विभाग को सभी प्रकार के सुझाव दे दिए गए हैं, लेकिन दोनो विभाग इस मसले को जानबूझ कर लटका रहे हैं। महासंघ कुनिहार इकाई की अध्यक्षा विजय लक्ष्मी नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वित्त सचिव व निदेशक पंचायतीराज विभाग को आदेश दिए गए थे, कि कर्मचारियों को पंचायती राज विभाग में मर्ज करने में आ रही दिक्कतों का जल्द समाधान किया जाए और अगली कैबिनेट में इस मामले को लाया जाए। उन्होंने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री के आदेशों के बाद भी दोनों विभाग इस मामले में लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार 24 जून तक हम सभी का विभाग में विलय करने पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है, तो खंड स्तर पर सभी जिला परिषद कैडर के कर्मचारी 25 जून से अनिश्चितकालीन पेन डाउन हड़ताल पर चले जाएंगे।
मनाेज शर्मा। अर्की 12वीं कक्षा के परिक्षा परिणाम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी अर्की की वाणिज्य संकाय की छात्रा हर्षिता सुपुत्री कृष्णा एवं रविन्द्र कुमार ने राज्य में 6 छठा स्थान (481/500 अंक 96%) प्राप्त किया है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य भूपेंद्र गुप्ता ने हर्षिता को मिठाई खिलाकर बधाई दी। हर्षिता ने इसका श्रेय अध्यापकों एवं माता पिता को दिया। उसका कहना है कि वो आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती है। प्रधानाचार्य का कहना है कि यह बच्ची विद्यालय की हर गतिविधि में आगे रहती है। सभी को प्रेरित करती हुई नायक की तरह ऊर्जावान एवं क्रियाशील रहती है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने सभी अध्यापकों को बधाई दी। कोरोना में भी अध्यापकों ने अथक प्रयास किया, जिसका आज परिणाम हमारे सामने हैं। एसएमसी प्रधान टेक चंद ने भी इस अवसर पर बधाई दी है।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट ग्राम पंचायत बरायली के गांव चल्यावन व छटेरा के लोग कई दिनों से पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। इन लोगों ने कई कई मर्तबा अपनी परेशानी की गुहार जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता,सहायक अभियंता इत्यादि अधिकारियों से लगाई,यही नहीं इन लोगों ने मुख्यमंत्री शिकायत कक्ष 1100 नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद अभी तक ये लोग पानी की बूंद बूंद को तरस रहे हैं। दोनों गांव वासियों का कहना है कि कहीं से भी अभी तक उम्मीद की किरण दिखाई नहीं दे रही है। गौरतलब है कि इन दोनों गांव को विभाग ने गवाह पेयजल योजना से जोड़ रखा है और विभाग के अधिकारियों के अनुसार यहां की जो मोटर सप्लाई है, वह खराब होने के कारण पानी की सप्लाई ठीक से नहीं हो पा रही है। चल्यावन गांव के निवासी देवीलाल ठाकुर कहते हैं कि उन्होंने 10 दिन पहले इस बारे शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन आज तक पानी की सप्लाई नहीं आई है और उन्हें दूर-दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। क्याेंकि गांव में कोई भी पेयजल स्रोत नहीं है। गांव चल्यावन के देवी लाल ठाकुर का कहना है कि जल शक्ति विभाग को बार-बार दूरभाष से लिखित शिकायत देने के बाद भी इस समस्या का समाधान करने के लिए कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सरकार व विभाग से इस समस्या से शीघ्र निजात दिलाने के लिए गुहार लगाई है। इस बारे कनिष्ठ अभियंता जल शक्ति विभाग दाड़लाघाट के गोपाल चौधरी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मोटर खराब होने के कारण सप्लाई बाधित हुई है। जल्दी ही मैकेनिक को बुलाकर मोटर ठीक करवाकर सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियां लगातार जनता से जुड़े मुद्दों को उठाकर अपना विरोध प्रकट कर रही है। सत्तापक्ष को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को कंडाघाट के पुराने अस्पताल के पास युवा कांग्रेस सोलन द्वारा एक सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें युवा कांग्रेस ने सीएम जयराम की सद्बुद्धि के लिए भगवान से प्रार्थना की। इस मौके पर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित ठाकुर ने कहा कि लगातार प्रदेश की जयराम सरकार विकास कार्यों को रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में शुरू हुए विकास कार्य को या तो रोका जा रहा है या फिर उन कामो पर अपना फटा टांगकर उसे अपनी योजना बता रही है। अमित ठाकुर ने कहा कि कंडाघाट में कांग्रेस कार्यकाल के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने नए अस्पताल भवन के लिए घोषणा कर इसके लिए बजट भी जारी किया था, जिसका काम शुरू भी हो गया था, लेकिन अब सरकार राजनीतिक द्वेष के चलते इस कार्य को रोक रही है। अमित ठाकुर ने कहा कि सुनने में आ रहा है कि भाजपा के लोग सीएम जयराम ठाकुर को गुमराह करके यहां पर नशा मुक्ति केंद्र खोलना चाहते हैं, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार नशा मुक्ति केंद्र खोलना चाहती है, तो उसका स्वागत करते हैं, लेकिन किसी और जगह नशा मुक्ति केंद्र खोला जाए। उन्होंने कहा कि इस भवन के साथ ही गर्ल्स पॉलिटेक्निक कॉलेज है, अगर यहां पर नशा मुक्ति केंद्र खुलता है, तो लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के मामले भी सामने आ सकते हैं। इसी के लिए युवा कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू नहीं कर सकती है, तो कांग्रेस सत्ता में आते ही यहां पर अस्पताल का कार्य शुरू करवाएगी। वहीं, उन्होंने कहा कि परवाणु से लेकर सोलन तक एनएच के साथ कोई भी ऐसा बड़ा अस्पताल यहां पर नहीं है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सके, उन्होंने कहा कि कोई भी दुर्घटना हो जाती है, तो यहां से सभी मरीज रेफर किए जाते हैं, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।
मनाेज शर्मा। दाड़लाघाट ग्राम पंचायत बरायली के गांव चल्यावन व छटेरा के लोग कई दिनों से पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। इन लोगों ने कई कई मर्तबा अपनी परेशानी की गुहार जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता,सहायक अभियंता इत्यादि अधिकारियों से लगाई,यही नहीं इन लोगों ने मुख्यमंत्री शिकायत कक्ष 1100 नंबर पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवाई लेकिन 10 दिन बीत जाने के बाद अभी तक ये लोग पानी की बूंद बूंद को तरस रहे हैं। दोनों गांव वासियों का कहना है कि कहीं से भी अभी तक उम्मीद की किरण दिखाई नहीं दे रही है। गौरतलब है कि इन दोनों गांव को विभाग ने गवाह पेयजल योजना से जोड़ रखा है और विभाग के अधिकारियों के अनुसार यहां की जो मोटर सप्लाई है, वह खराब होने के कारण पानी की सप्लाई ठीक से नहीं हो पा रही है। चल्यावन गांव के निवासी देवीलाल ठाकुर कहते हैं कि उन्होंने 10 दिन पहले इस बारे शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन आज तक पानी की सप्लाई नहीं आई है और उन्हें दूर-दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। क्याेंकि गांव में कोई भी पेयजल स्रोत नहीं है। गांव चल्यावन के देवी लाल ठाकुर का कहना है कि जल शक्ति विभाग को बार-बार दूरभाष से लिखित शिकायत देने के बाद भी इस समस्या का समाधान करने के लिए कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने सरकार व विभाग से इस समस्या से शीघ्र निजात दिलाने के लिए गुहार लगाई है। इस बारे कनिष्ठ अभियंता जल शक्ति विभाग दाड़लाघाट के गोपाल चौधरी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मोटर खराब होने के कारण सप्लाई बाधित हुई है। जल्दी ही मैकेनिक को बुलाकर मोटर ठीक करवाकर सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।


















































