** प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों से अपने अपने क्षेत्र के विकास की प्राथमिकताएं मांगी ** पंचायत मिलन, पंचायत संवाद कार्यक्रम के तहत लोगों की सुनीं समस्याएं पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा बगशां की प्रत्येक पंचायत के लोगों की विकास की प्राथमिकताओं के आधार पर ग्रामीण विकास का मॉडल विकसित किया जाएगा। इस के लिए पंचायत प्रतिनिधियों तथा लोगों से प्रारंभिक चरण में तीन-तीन विकास की प्राथमिकताएं तय करने के लिए कहा गया है ताकि उसके अनुरूप नगरोटा विस क्षेत्र का विकास सुनिश्चित किया जा सके। मंगलवार को पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने पंचायत मिलन पंचायत संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत नगरोटा में कबाड़ी, सुनेहड़, मुमता,मूंदला, अमतराड, उस्तेहड़, स्कॉट, चाहडी, अम्बाडी, लिली, ठारू, कीर चंबा,और मस्सल पंचायत के लोगों की समस्याएं सुनीं और तथा अधिकारियों को समस्याओं के निदान के लिए आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर अति निर्धन परिवारों के उत्थान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा इस के लिए पंचायत स्तर पर अति निर्धन लोगों की सूची भी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि इन लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लाभांवित किया जा सके। उन्होंने कहा कि हर पंचायत में एक लाख की राशि गरीब परिवारों पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा तथा निरीक्षण नियमित तौर पर करने के लिए अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगरोटा के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी तथा सभी पंचायतों के समग्र विकास के लिए कार्य योजना तैयार की गई है तथा सभी गांवों को चरणबद्व तरीके से सड़क सुविधा के साथ जोड़ा जाएगा ताकि लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम की सोलन जिला में शुरुआत ग्राम पंचायत नौणी से होगी। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी आज यहां उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी। मनमोहन शर्मा ने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जहां विभिन्न समस्याओं का समाधान सुनिश्चित बनाया जाएगा, वहीं लोगों को सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों की सारगर्भित जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में नशा निवारण के विषय में भी लोगों को अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम 17 जनवरी को प्रात: 10.00 बजे आरंभ होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी स्थापित किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित होने वाले मेगा स्वास्थ्य शिविर में रोगियों के उपचार के साथ-साथ सामान्य परीक्षण नि:शुल्क किए जाएंगे। रोगियों को दवाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। मनमोहन शर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की पूरी जानकारी एवं पात्रता के संबंध में अवगत करवाया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 जनवरी को आवश्यक रखरखाव के दृष्टिगत विद्युत कंडाघाट के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। जानकारी देते हुए अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता राहुल वर्मा ने कहा कि 23 जनवरी की प्रात: 10 बजे से सायं 5 बजे तक वाकनाघाट, क्यारीघाट, क्वारग, शालाघाट, कैथलीघाट, छावशा, डुमैहर, कदौर, गरू, पौघाट, कून, आंजी, सुनारा, साधुपुल, कलहोग, दोची, सोनाघाट, सैंज, कोटला, चायल, नंगाली, हिन्नर, कुरगल, झाझा, धंगील, आलमपुर, जनेड़घाट, टिक्कर एवं आस-पास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने कहा कि उपरोक्त निर्धारित तिथि व समय में खराब मौसम व अन्य परिस्थितियों के दृष्टिगत परिवर्तन किया जा सकता है।
** मंत्री ने कांडो च्योग के सेंगा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में की शिरकत ** कहा, खेलों से केवल शारीरिक ही नहीं, संपूर्ण व्यक्तित्व का होता है विकास प्रदेश सरकार द्वारा 17 जनवरी से सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। उद्योग एवं संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन चौहान शिलाई विधानसभा क्षेत्र के बकरास में इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने अपने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान आज ग्राम पंचायत कांडो च्योग के सेंगा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए यह जानकारी दी। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि यूथ क्लब कांडो तथा नरेंद्र मेमोरियल कमेटी द्वारा क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। इस क्रिकेट टूर्नामेंट में हिमाचल तथा उत्तराखंड के विभिन्न भागों से आए खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का उपयुक्त मंच उपलब्ध हुआ। उन्होंने कहा कि खेल जीवन के लिए नितांत महत्वपूर्ण है। खेलों से न केवल शारीरिक व मानसिक विकास होता है, बल्कि संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है। उन्होंने कहा प्रत्येक व्यक्ति के लिए खेल आवश्यक है और जीवन में कोई न कोई खेल जरूर खेलना चाहिए। इससे युवा अपने आप को समाज में व्यापक कुरीतियों तथा अनेक प्रकार के व्यसनों से सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि सूबे के अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति अर्जित कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। हर्षवर्धन चौहान ने नौजवानों से अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है कि अनेकों नौजवान नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं और अपने जीवन तथा परिवार की बर्बादी का कारण बन रहे हैं। उन्होंने युवाओं को अपनी दिनचर्या व्यस्त बनाने को कहा ताकि वह जीवन में नई उपलब्धियां को हासिल कर सकें।
** प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह बोलीं, जल्द घोषित होंगे प्रत्याशियों के नाम ** सीएम बोले, हिमाचल के विकास की राह में रोड़े अटका रही केंद्र सरकार लोकसभा चुनाव से पहले हिमाचल कांग्रेस की अहम बैठक राजीव भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कैबिनेट के अन्य सहयोगी भी शामिल हुए। हिमाचल कांग्रेस लोकसभा चुनाव में हिमाचल विरोधी भाजपा का संदेश लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी। बैठक के बाद हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव बेहद अहम हैं। इस बैठक में विस्तृत चर्चा हुई है। जल्द ही प्रत्याशियों के नाम घोषित होंगे, ताकि जल्द से जल्द मैदान में उतरा जा सके। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा देश भर में झूठ फैलाने का काम कर रही है। 2014 में सत्ता में आने से पहले भाजपा ने हर खाते में 15 लाख रुपये डालने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार हिमाचल प्रदेश के विकास की राह में रोड़े अटकाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साल में सरकार ने बेहतरीन काम किया है, कांग्रेस इसी काम को लेकर जनता के बीच जाएगी। वहीं, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी भारतीय जनता पार्टी को हिमाचल विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन में तालमेल हो, इसके लिए बेहतरीन चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बीजेपी को चारों खाने चित्त करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश है. पहले की तरह जीत का दस्तूर प्रदेश में बरकरार रहेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने भगवान राम की कसम खाते हुए कहा कि वह हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करेंगे।
सहायक अभियंता विद्युत उप मंडल पूह ने विद्युत उप मंडल पूह के तहत आने वाले सरकारी/गैर सरकारी व अन्य सभी उपभोक्ताओं जिन्होंने अभी तक अपने विद्युत बिलों की अदायगी नहीं की है से आग्रह किया है कि वे 15 दिनों के भीतर अपने बकाया विद्युत बिलों की अदायगी सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि अन्यथा ऐसे सभी विद्युत उपभोक्ता जो 15 दिनों के भीतर अपने बिलों की बकाया राशि को जमा नहीं करेंगें उनकी विद्युत आपूर्ति बिना किसी पूर्व सूचना के काट दी जाएगी।
** ऑस्ट्रेलिया में ही निजी नौकरी करते हैं माता-पिता ** दादी विमला देवी बोलीं, पोते ने रोशन किया देश और प्रदेश का नाम जिला हमीरपुर की ग्राम पंचायत सौर के मंसूही गांव के सुमित चांगरा ने ऑस्ट्रेलिया सेना में लेफ्टिनेंट का पद हासिल कर देश का नाम रोशन किया है। सुमित चांगरा के पिता सुनील चांगरा व माता अंजना चांगरा ऑस्ट्रेलिया में ही निजी नौकरी करते हैं। सुमित चांगरा के दादा रोशन लाल ने डिप्टी रेंजर के पद पर हिमाचल में ही नौकरी की तथा दादी विमला देवी गृहणी हैं। सुमित चांगरा की दादी विमला देवी ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी है कि उनके पोते ने देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सुमित पढ़ाई में शुरू से ही होशियार था और उसने अपनी पढ़ाई भी स्कॉलरशिप से की है। सुमित के दादा ने बहुत गरीबी देखी और मेहनत कर अपना नाम बनाया और उन्हीं की तरह परिवार के बेटे सुमित ने भी गांव का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है। सुमित चांगरा ने अपनी पहली कक्षा से पांचवी कक्षा तक की पढ़ाई दिव्या आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोटा में पूरी की। सुमित चांगरा ने अपनी हाई सेकेंडरी की परीक्षा ऑस्ट्रेलिया के सिडनी से पास की तथा मेकाट्रॉनिक इंजीनियरिंग की पढ़ाई मोनास यूनिवर्सिटी मेलबॉर्न से पूरी की। इसके बाद सुमित चांगरा ने ऑस्ट्रेलिया की फौज में लेफ्टिनेंट का पद हासिल किया। सुमित की चाची ने कहा कि खुशी के इस घड़ी में सभी घर वाले ही नहीं गांव वाले भी बहुत खुश हैं और खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं उन्होंने कहा की भगवान करे सबके बच्चे ऐसे ही उनका नाम रोशन करें। वहीं, सुमित के नजदीकी रिश्तेदार सुवेदार चतुर सिंह ने कहा कि आर्मी का जवान, जवान होता है चाहे भारतीय आर्मी का हो या ऑस्ट्रेलिया की आर्मी का हो और भारत के संबध ऑस्ट्रेलिया के साथ बहुत अच्छे हैं और हमें बहुत खुशी है कि हमारे बेटे ने देश का नाम रोशन किया है।
** कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार करेंगे कार्यक्रम की अध्यक्षता ** एसडीएम गुरसिमर सिंह ने की प्रबंधों को लेकर समीक्षा बैठक प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों की विभिन्न समस्याओं के घर-द्वार त्वरित समाधान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम चलाया जा रहा है। नूरपुर उपमंडल में इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का आयोजन 18 जनवरी को बदूही पंचायत के खेल मैदान में किया जाएगा। यह जानकारी एसडीएम गुरसिमर सिंह ने आज मंगलवार को स्थानीय मिनी सचिवालय में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपमंडल स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो.चंद्र कुमार करेंगे तथा लोगों की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के प्रबंधों के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशानिर्देश दे दिए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। बैठक में तहसीलदार राधिका सैनी, बीडीओ सुभाष अत्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
लोअर लंबागांव मोटिवेशन फिटनेस क्लब के सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी लंबागांव से मिलकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा और कहा कि खंड विकास कार्यालय के साथ एक प्राकृतिक पानी का स्त्रोत बावड़ी है, जिसके आसपास लोगों द्वारा कूड़ा फेंका जा रहा है। वहीं, बीडीओ सिकंदर ने क्लब के सदस्यों को आश्वासन दिया कि जो भी इस प्राकृतिक जल स्त्रोत के पास गंदगी फैलाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस ऐतिहासिक प्राकृतिक जल स्रोत बाबड़ी में पानी निरंतर रहता है।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत बठरा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उक्त पंचायत के वार्ड नंबर 3 में सरकारी सीमेंट की लगभग 13 बोरियों के पत्थर बनने की आशंका जताई गई है। स्थानीय निवासी राजकुमार ने वीडियो में आरोप लगाया है कि पंचायत में आया सीमेंट विकास के लिए लगना था पर वह पत्थर बन गया है। वहीं इस संदर्भ में प्रधान बठरा सुनीता कुमारी से बात की गई तो उन्होंने बताया बरसात के समय में मैटेरियल की रोक लगी थी, उसके बाद पंचायत सचिवों की हड़ताल हुई। उन्होंने बताया वार्ड पंच ने दो-दो काम इक_े लिए हैं, इस कारण यह समस्या आई है। उन्होंने वार्ड पंच को कहा है एक काम खत्म करें, फिर दूसरा काम लें। जो नुकसान हुआ है, उसको मैंने ही देखना है इसका भुगतान में ही करूंगी।
22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्री राम की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले भाजपा के नेताओं द्वारा मंदिरों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंद्र सिंह रवि ने अष्टभुजा माता मंदिर ज्वालामुखी में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर परिसर की सफाई की और लोगों से आह्वान किया कि वे भी अपने घरों और आसपास के मंदिरों सार्वजनिक स्थलों की सफाई करें, ताकि भगवान श्री रामचंद्र के प्रति सच्ची श्रद्धा और आस्था को दर्शाया जा सके। इस मौके पर उनके साथ मंडल भाजपा के अध्यक्ष अजय खट्टा, महामंत्री शैलेंद्र गोस्वामी ,संजीव कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा और अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि 22 जनवरी को हर घर में पांच दीप जलाए जाएं, भगवान श्री रामचंद्र की महिमा का गुणगान किया जाए व भजन कीर्तन किया जाए।
** स्काई हाक क्लब द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन स्काई हाक क्लब भोग्रवां में क्लब के सदस्यों द्वारा क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 10 से 16 जनवरी तक किया गया इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला टटवाली व भोग्रवां के बीच हुआ, जिसमें भोग्रवां टीम ने विजय हासिल की। टूर्नामेंट का आयोजन पंचायत लेवल पर किया गया। सभी टीमों में हुए मैचों के सबसे उत्तम प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। इसके इलावा मैन ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से पृथ्वी सलारिया, बेस्ट कीपर अवॉर्ड से राहुल शर्मा, बेस्ट बॉलर अवॉर्ड से रवि सलारिया को सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में मुख्यातिथि के रूप में इस पंचायत भोग्रवां के प्रधान हिम्मत राज, उप प्रधान जयदीप राणा व नवदीप कटोच उपस्थित रहे। मुख्यातिथियों ने युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
स्वच्छ तीर्थ अभियान के तहत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज शिमला के जाखू स्थित सुप्रसिद्ध श्री हनुमान जी मंदिर परिसर से स्वच्छता अभियान की शुरूआत की। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल ने भी इस अभियान में भाग लिया। राज्यपाल ने इस अवसर पर लोगों से मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों में स्वच्छता सुनिश्चित करने का आह्वान करते हुए उनसे इस अभियान में भाग लेने का भी आग्रह किया। इससे पूर्व, राज्यपाल ने श्री हनुमान जी मंदिर में शीश नवाया। इस स्वच्छता अभियान में राज्यपाल के सचिव राजेश शर्मा, उपायुक्त आदित्य नेगी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम शिमला के स्वच्छता कर्मी, मंदिर समिति के सदस्य तथा वहां उपस्थित पर्यटक भी शामिल हुए।
सांसद प्रतिभा सिंह ने संसदीय क्षेत्र मंडी में विकास कार्यों को गति देने के लिए सांसद निधि से करीब छह लाख रुपये की धनराशि जारी की है। इससे पहले उन्होंने मंडी जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए लगभग 46 लाख रुपये की धनराशि जारी की थी। सांसद ने पिछले दिनों सदर मंडी में अपने दौरे में विभिन्न विकास कार्यों के लिए सांसद निधि से धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। अब घोषणाओं के मुताबिक कार्यान्वयन एजेंसी बीडीओ सदर मंडी को अलग-अलग 6.20 लाख रुपये की धनराशि विकास कार्यों के लिए प्रदान की गई है। सांसद ने सदर मंडी विधानसभा की कोटली पंचायत के गांव बलाहार में सैनिक सदन को बनाने के लिए 5 लाख रुपये की धनराशि जारी की। वहीं, उन्होंने राजकीय माध्यमिक पाठशाला सपलोह की मरम्मत के लिए एक लाख रुपये और नैना महिला मंडल चनालसा की प्रधान सरोज कुमारी के आग्रह पर खेलों का सामान खरीदने के लिए 20 हजार रुपये की धनराशि जारी की है।
** दुर्घटना में चालक और एक अन्य युवक को आई हल्की चोटें सिरमौर जिले के उप मंडल संगड़ाह के अंतर्गत आने वाले गांव शिवपुर में सोमवार सायं एचपी-79-3011 नंबर की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में घायल 19 वर्षीय विशाल पुत्र जोगिंद्र सिंह निवासी शिवपुर की पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय मौत हो गई। वहीं, कार चालक पालर गांव के 24 वर्षीय अंकित व इसी गांव के 23 वर्षीय राहुल को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार दोनों घायल युवक मृतक विशाल के घर मेहमान आए थे और गांव से मात्र 50 मीटर दूर कार खाई में जा गिरी। घायल युवक को नजदीकी संगड़ाह अस्पताल नहीं लाए जाने के चलते प्राथमिक उपचार उपचार देरी से मिलने पर सिर से काफी खून बह गया था, जिसे मौत का प्रमुख कारण समझा जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार उन्हें संगड़ाह में डॉक्टर न होने की जानकारी मिली, जिसके चलते 108 एंबुलेंस से वह सीधे मेडिकल कॉलेज नाहन निकल गए। वहीं, खंड स्वास्थ्य अधिकारी संगड़ाह डॉ. अतुल भारद्वाज ने कहा कि संगड़ाह में चिकित्सक उपलब्ध थे, मगर घायल को यहां लाया ही नहीं गया। मेडिकल कॉलेज नाहन से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किए जाने पर रायपुर रानी के समीप विशाल ने दम तोड़ दिया। उधर, थाना प्रभारी संगड़ाह बृजलाल मेहता ने बताया कि मृतक का शव मंगलवार सुबह नाहन में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों को लेकर जांच जारी है।
** रोड़ी-कोड़ी के शिव मंदिर में हुई सोसाइटी की बैठक में लिया गया फैसला दा डिस्ट्रेस रिलीफ चेरिटेबल व बेनोवेलेंट सोसाइटी की त्रैमासिक मीटिंग बनयाल बस्ती रोड़ी-कोड़ी के शिव मंदिर में कर्नल (रिटायर्ड) एससी परमार की अध्यक्षता में संपन्न हुई। मीटिंग में विभिन्न स्थानों से आए हुए 50-60 सदस्यों ने भाग लिया। इस बार की मीटिंग में अध्यक्ष के मार्गदर्शन में सर्वसम्मति से 10 गरीब कन्याओं की शादी के लिए धाम का सारा सामान व एक-एक प्रेशर कूकर देने का प्रस्ताव पारित हुआ व दो गंभीर बिमारियों से ग्रस्त व्यक्तियों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
** नालागढ़-अयोध्या, नालागढ़-वृदांवन, बद्दी-अमृतसर बस सेवा होगी शुरू ** उप मुख्यमंत्री ने पीर स्थान लोहड़ी सभ्याचारक मेले की सांस्कृतिक संध्या में की घोषणा उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि महत्वकांक्षी दर्शन सेवा योजना धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। यह योजना हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और धार्मिक पर्यटक स्थलों से सभी को रू-ब-रू करवाने में सहायक बनेगी। उप मुख्यमंत्री गत देर सायं सोलन जिला के नालागढ़ उप मंडल की ग्राम पंचायत किरपालपुर में चार दिवसीय पीर स्थान लोहड़ी सभ्याचारक मेले की सांस्कृतिक संध्या का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि दर्शन सेवा योजना के तहत हिमाचल प्रदेश के धार्मिक स्थलों से प्रदेश में स्थित एवं अन्य राज्यों के धार्मिक स्थलों के लिए भी लगभग 100 नए बस रूट आरंभ किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नालागढ़ से अयोध्या, नालागढ़ से वृदंावन तथा बद्दी से अमृतसर तक श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए बस सेवाएं आरंभ की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति ही हमारी पहचान है और प्रदेश सरकार विभिन्न स्तरों पर यह सुनिश्चित बना रही है कि हमारी विरासत संरक्षित रहे और युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं के बारे में जान सके। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना हम सभी का कर्तव्य है और हमारी संस्कृति इस दिशा में सहायक बन सकती है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पीर स्थान लोहड़ी सभ्याचारक मेला समूचे क्षेत्र में विशेष पहचान रखता हैं। इस मेले की परम्परा का इतिहास लगभग 300 वर्ष पुराना है। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोकर रखना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने सभी को मेले की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्राचीन समय में मेले एवं उत्सव मेलजोल एवं मनोरंजन के प्रमुख साधन थे।
उप मंडल देहरा के गांव बड़ा गोपीपुर निवासी प्रताप सिंह को हिमाचल प्रदेश सचिवालय में अंडर सेक्रेटरी के पद पर पदोन्नति मिली है। अवर सचिव बनने पर उन्हें जिला कांग्रेस महासचिव इंद्र शर्मा ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रताप सिंह मिलनसार और नरम स्वभाव के व्यक्ति हैं और उनके नेतृत्व में सचिवालय के काम में और भी दृढ़ता आएगी। प्रताप सिंह 1989 में हिमाचल प्रदेश सचिवालय में बतौर लिपिक नियुक्त हुए थे। पूरी ईमानदारी और लगन के साथ कार्य करने पर उन्होंने चार पदोन्नतियां प्राप्त की है और अब उन्हें फिर पदोन्नति देकर सचिवालय में अवर सचिव की नियुक्ति मिली है। इससे देहरा क्षेत्र में खुशी की लहर है। प्रताप सिंह इसका श्रेय अपने माता-पिता को देते हैं।
पीएम मोदी ने देशवासियों से देशभर के मंदिरों में सफाई अभियान चलाने का आह्वान किया है। यह अभियान आगामी 22 जनवरी तक चलेगा। इसी कड़ी में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचरुखी जोन के भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा माता योगेश्वरी मंदिर लदोह और आसपास में साफ-सफाई की गई। घनश्याम शर्मा के कहा कि अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व पूरा देश राममय हो चला है। हमारे धार्मिक स्थल स्वच्छ हों, सुंदर दिखें, इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा धार्मिक स्थलों में सफाई अभियान का आह्वान बहुत ही अभिनंदनीय है। घनश्याम शर्मा ने प्रदेश की जनता से भी आग्रह किया कि वह भी बढ़-चढ़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस आह्वान का हिस्सा बनें और अपने आसपास के मंदिरों में स्वच्छता के कार्यक्रम करें। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा अध्यक्ष मनीषा शर्मा, बूथ अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जन्म सिंह पठानिया, धर्म सिंह भूरिया अजय शर्मा मंडल संयोजक अयोध्या धाम अक्षत वितरण, गांववासी अनिल शर्मा, सतीश शर्मा, महिला मोर्चा की वरिष्ठ पदाधिकारी लीना भारद्वाज, मीरा राणा, सुमन ठाकुर, सुलक्षणा बीडीसी, युवा क्लब लदोह के कर्मठ युवा शक्ति एवं अन्य वरिष्ठ लोग एवं मातृशक्ति मौजूद रहे।
** भाजपा विधायक बोले, कांग्रेस सरकार का असली चेहरा जनता के सामने आया प्रदेश की कांग्रेस सरकार का चेहरा एक साल ही में जनता के समक्ष आ गया है। वर्तमान सरकार लगातार युवा व बेरोजगार विरोधी निर्णय ले रही है, जिसके चलते युवाओं को सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है। मंगलवार को जारी प्रेस बयान में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा के विधायक पवन काजल ने यह बात कही। काजल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री और मंत्रियों में आपसी तालमेल नहीं है। उन्होंने प्रदेश सरकार को युवा व बेरोजगार विरोधी करार देते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार बैकडोर से एंट्री कर रही है, जिसका खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ रहा है। प्रदेश में लाखों की संख्या में बेरोजगारों की फौज खड़ी हो चुकी हैं, उन्हें रोजगार उपलब्ध करवाने के बजाय सरकार बैकडोर भर्तियां कर रही है। शिक्षण संस्थानों में गेस्ट फेकल्टी भर्ती का निर्णय सरकार ने लिया है, जिसके विरोध में युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए हैं। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के साथ कुठाराघात सालों से शिक्षा विभाग में नौकरी की आस में पढ़ाई व मेहनत कर रहे युवाओं से गेस्ट फेकल्टी का निर्णय कुठाराघात है। उन्होंने का कि कई जेबीटी, टीजीटी, बीएड युवा नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार इन युवाओं को नजरअंदाज कर गेस्ट फेकल्टी भरने जा रही है, जो कि प्रदेश के युवाओं के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जो भी युवा व जनविरोधी निर्णय लिए हैं, उनका खामियाजा सरकार को आगामी लोकसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
** कहा, लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस को आई जनता की याद पूर्व भाजपा सरकार ने आम जनता की समस्याओं के घर-द्वार पर समाधान के लिए जनमंच कार्यक्रम की शुरुआत की थी। उस समय कांग्रेस ने उसका विरोध किया था। अब उसी दल कांग्रेस की सरकार को गांव के द्वार जाने को मजबूर होना पड़ा है। यह बात हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने मंगलवार को जारी प्रेस बयान में कही। कपूर ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस को अब जनता की याद आई है और सरकार गांव के द्वार जा रही है। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस द्वारा पूर्व भाजपा सरकार की नीतियों का विरोध किया जाता रहा हो, लेकिन कहीं न कहीं कांग्रेस सरकार ही अब भाजपा की नीतियों को कॉपी करने लगी है, सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि एक वर्ष से अधिक समय में सरकार प्रदेश की जनता के लिए कुछ नहीं कर पाई है, ऐसे में लोकसभा चुनाव में किस मुंह से जनता के बीच जाएगी, इन्हींं सब बातों को ध्यान में रखकर अब कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री, मंत्री जनता के बीच जाने को अभियान चला रहे हैं। प्रदेश भाजपा महामंत्री ने कहा कि जनता के बीच जाने का फायदा भी तभी मिलेगा, जब जनता के लिए कुछ करेंगे, लेकिन जब किया ही कुछ नहीं तो जनता के बीच जाने का भी क्या लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने एक साल के निर्णयों पर आत्ममंथन करना चाहिए।
** शीघ्र शुरू होगी मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना ** योजना के तहत घर बनाने के लिए दिए जाएंगे 1.50 लाख रुपये मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शीघ्र ही मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पात्र विधवा एवं एकल नारियों को घर निर्मित करने के लिए 1.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 7 हजार महिलाओं को घर निर्मित करने के लिए सहायता प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। योजना को मंत्रिमंडल की बैठक में मिल चुकी है मंजूरी मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला उत्थान के लिए समर्पित इस योजना को हाल ही में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की गई है। योजना की अन्तिम रूपरेखा तैयार की जा रही है। आश्रय प्रदान इस योजना के अंतर्गत निर्मित घर में बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं एक सामान्य परिवार से संबंध रखते हैं और समाज के कमजोर वर्गों के दुख और परेशानियों से भली-भांति परिचित हैैं। एक वर्ष के दौरान राज्य सरकार ने उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए कई अभिनव पहल की हैं। अनाथ बच्चों को दिया 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट' का दर्जा मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चार हजार से अधिक अनाथ बच्चों को 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट' के रूप में अपनाकर उनके लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल देश का पहला राज्य है जहां अनाथ बच्चों की देखभाल और शिक्षा की जिम्मेदारी राज्य सरकार उठा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा इन बच्चों को 27 वर्ष की आयु तक 4 हजार रुपये प्रतिमाह जेब खर्च के रूप में प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल वंचित वर्गों के सामाजिक उत्थान की पहल को दर्शाती है। प्रदेश सरकार राज्य का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करते हुए समाज के वंचित वर्गों को विकास की मुख्य धारा में शामिल कर रही है।
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मदनपुर बसोली में फैक्टरी में नकली दवाएं तैयार करने वाले आरोपी को ऊना पुलिस ने पंजाब राज्य के कुराली से पकड़ लिया है। नकली दवा फैक्टरी का पर्दाफाश होने के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से पंजाब भाग गया था। लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी को पुलिस ने सोमवार को कुराली में मुख्य मार्ग किनारे पकड़ा। आरोपी कहीं पैदल ही जा रहा था। मामले में अब तक क्या हुआ... मामले में पुलिस ने आरोपी से पहले उसकी पत्नी मधुबाला को गिरफ्तार किया था और वह तीन दिन के पुलिस रिमांड पर है। उधर, टाहलीवाल स्थित मेफ्रो ऑर्गेनिक लिमिडेट प्लांट के मैनेजर केवल सिंह ने आरोपी बलराम सिंह के खिलाफ उनकी कंपनी की ओर से तैयार की दवाओं का नाम पता उपयोग करने के आरोप में धोखधड़ी का केस दर्ज कराया है। आगे क्या... पुलिस आरोपी को आज अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। इसके बाद पुलिस आरोपी से नकली दवाओं के बारे में पूछताछ करेगी। पुलिस को कुछ और लोग के भी इस गोरखधंधे में शामिल होने का अंदेशा है।
भारतीय जनता पार्टी राम मंदिर अयोध्या में रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के मद्देनजर देश भर के मंदिरों में विशेष सफाई अभियान चला रही है। इसी कड़ी में जयसिंहपुर भाजपा ने भी लंबागांव के अतंर्गत पंडेहड़ में स्थित मंदिर कुंजेश्वर महादेव में सफाई अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने यहां मंदिर के प्रांगण से लेकर पौड़ियों और मंदिर के आसपास साफ-सफाई की। इस दौरान जयसिंहपुर भाजपा मंडलाध्यक्ष देवेंद्र राणा, किसान मोर्चा अध्यक्ष अजय पठानिया, कोषाध्यक्ष अरुण कुमार, सहित जयसिंहपुर वूथ 1 अध्यक्ष मनोज कुमार, लंबागांव बूथ 2 अध्यक्ष वीर सिंह सहित, विजंत राणा, जितेंद्र राणा,असीम भंडारी, मंडल मीड़िया सहप्रभारी हरिदास सहित बहुत से कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया। जयसिंहपुर मंडल प्रवास पर आए सतीश राणा ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं, मंडलाध्यक्ष देवेंद्र राणा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारी आंखों के सामने भगवान राम लला के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और हम प्राण प्रतिष्ठा समारोह के भी गवाह बन रहे हैं। वहीं, पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने कहा कि राम मंदिर बनने में अड़ंगा डालने वाले कहते थे कि भाजपा वाले कहते हैं कि मंदिर वहीं बनाएंगे पर तारीख नहीं बतायेंगे। आज राम मंदिर भी बन गया है और प्राण प्रतिष्ठा की तारीख भी तय हो गयी है। लेकिन उनको रामंंदिर दर्शन करने में प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने में शर्म महसूस हो रही है।
**मंत्री ने तकनीकी उत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज यहां आयोजित तकनीकी शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम, हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय और हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने सभी तकनीकी संस्थानों की कार्य प्रणाली की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एचपीकेबीएन को कार्यन्वित की जा रही सभी परियोजनाओं को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा संस्थानों में प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक शिक्षा प्रदान की जाए तथा इसमें मशीनरी और उपकरणों के उत्तम उपयोग का समावेश भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए नवीन प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर विद्यार्थियों के कौशल उन्नयन के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। राजेश धर्माणी ने निदेशालय स्तर पर इंटर्नशिप और पलेसमेंट के लिए एक समर्पित सेल स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नवीन प्रौद्योगिकी आधारित तकनीकी पाठ्यक्रमों के महत्व पर बल देते हुए कहा कि सभी पाठ्यक्रमों की नियमित रूप से समीक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेशेवर नैतिकता, वित्तीय और परियोजना प्रबंधन, रेट्रोफिटिंग प्रौद्योगिकी, कृषि मशीनें, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विदेशी भाषाएं, रोबोटिक्स और मशीन लर्निंग जैसे नए विषय आरम्भ किये जाएं। उन्होंने विभाग में तकनीकी उत्सव आयोजित करने के निर्देश भी दिये जिसमेें सभी तकनीकी और व्यावसायिक संस्थान भाग लेंगे। उत्सव में प्रशिक्षुओं द्वारा अभियांत्रिकी और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किए गए कार्यों का प्रदर्शन किया जाएगा। निदेशक तकनीकी शिक्षा अक्षय सूद ने विभिन्न तकनीकी संस्थानों में चलाए जा रहे पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
**बोले, आम जनमानस की समस्याओं का निदान सर्वोच्च प्राथमिकता पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि राज्य सरकार संसाधन बढ़ाने की दिशा में अनेक पग उठा रही है। जल प्रदेश का अमूल्य संसाधन है और इससे संबंधित उचित अधिकार प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार निरन्तर प्रयासरत है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के लिए जिला में 3000 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च की जा रही है, जिससे इस क्षेत्र में आर्थिक समृद्धि आएगी। जिला के ढगवार में 250 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है। सोमवार को नगरोटा बगबां विश्राम गृह में हटवास, घोड़व और भुनेड पंचायत के लोगों की शिकायतें सुनने के उपरांत कहा कि वर्तमान सरकार की आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है तथा इसी के दृष्टिगत सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम भी आरंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान अपनी दस गारंटियों में से तीन को पूरा कर दिया गया है। अपनी पहली गारंटी को पूरा करते हुए प्रदेश की आर्थिक बदहाली के बावजूद राज्य सरकार ने 1.36 सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना बहाल की, ताकि उन्हें बुढ़ापे का सहारा मिले। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में भी व्यापक व्यवस्था परिवर्तन किया जा रहा है। अगले शैक्षणिक सत्र से सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई शुरू की जाएगी तथा 300 मीटर के दायरे में आने वाले स्कूलों का क्लस्टर बना कर, वहां पर्याप्त अध्यापक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तीसरी गारंटी को पूरा करते हुए 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना का पहला चरण आरंभ कर दिया गया है। इसके तहत युवाओं को आय का साधन प्रदान करने के लिए ई-टैक्सी खरीद पर 50 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 100 किलोवाट से लेकर 1 मेगावाट तक की सोलर परियोजनाओं की स्थापना पर युवाओं को 40 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान करने की एक योजना जल्द ही शुरू करने जा रही है। किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित करने के दृष्टिगत, दूध का उचित मूल्य प्रदान करने के लिए वर्तमान सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के एक वर्ष के प्रयासों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 20 प्रतिशत का सुधार आया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आज से पहले किसी भी सरकार ने नहीं सोचा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार नियमों में बदलाव कर व्यवस्था में परिवर्तन कर रही है और कड़े फैसले ले रही है, जिसके आने वाले समय में सुखद परिणाम सामने आयेंगे। इस अवसर पर एसडीएम मुनीष शर्मा, बीडीओ राजेश सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सुरेश वालिया, अधिशासी अभियंता आईपीएच विवेक ठाकुर, अधिशासी अभियंता बिजली विभाग कमल चैधरी, ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष प्रताप रियाड़, महासचिव एवं उपप्रधान अजय सिपहिया , पूर्व प्रधान प्रेम राणा, चंचला देवी प्रधान, उपप्रधान अनमोल चैधरी, पूर्व प्रधान स्वरूप चैहान, बुनेड पूर्व प्रधान हंस राज चैधरी और ग्रामीण मौजूद रहे।
-लोकेंद्र कपूर बोले, खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए, द्वेष की भावना से नहीं भरमौर के ग्रीमा में राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर युवक मंडल ग्रीमा द्वारा क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता 12 जनवरी से शुरू की गई थी और आज सोमवार को समापन हो किया गया। समापन समारोह पर युवक मंडल प्रधान लोकेंद्र कपूर ने बतौर मुख्यतिथि सिरकत की। इस प्रतियोगिता में 10 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का पहला सेमीफइनल आज सियूर और भरमौर के बीच खेला गया। जिसमें भरमौर ने सियूर को हराया। तो वही दूसरा सेमीफाइनल खणी और चलेड के बीच खेला गया। जिसमें खणी टीम ने शानदार जीत अपने नाम दर्ज की। इस प्रतियोगिता का फाइनल मैच खणी और भरमौर के मध्य खेला गया जिसमें खणी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 ओवर में 62 रन बनाये, रनों का पीछा करने उतरी भरमौर की टीम 59 पर सिमट गई। रोमांचक मुकाबले में खणी टीम ने भरमौर को 3 रन से हरा दिया। मुख्यतिथि ने विजेता टीम को प्राइज, ट्रॉफी व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मुख्यतिथि ने प्रतियोगिता में आयी सभी टीमों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी ओर से आयोजकों को प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए, द्वेष की भावना से नहीं।
-कहा, भाजपा नेता जनता के हितैषी हैं तो मंत्रालय से आदेश वापस लेकर दिखाएं प्रदेश कांग्रेस सचिव व मीडिया समन्वयक पुनीत मल्ली ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि केंद्रीय वन मंत्रालय ने हिमानी चामुंडा मंदिर मार्ग पर सोलर लाइट्स हटाने के आदेश राज्य वन विभाग को दिए थे। यदि भाजपा नेता जनता के हितैषी हैं तो केंद्र में अपनी सरकार के मंत्रालय से उक्त आदेश वापस लेकर दिखाएं। उन्होंने कहा कि माता के भक्त इलाके के कुछ युवा मंदिर मार्ग में सोलर लाइट्स लगाने के लिए मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (आईटी व इनोवेशन) गोकुल बुटेल से पालमपुर में मिले थे। इसके बाद दिसंबर 2023 में विकास में जनसहयोग योजना के तहत कांग्रेस सरकार ने ही 100 सोलर लाइट्स लगाने के लिए जदरांगल व कंड करडियाना पंचायतों को 85 फीसदी धनराशि मुहैया करवाई थी। ऐसे में कांग्रेस सरकार को कोसने से पहले भाजपा नेता पूरे तथ्यों पर बात करें न कि इस जनभावना से जुड़े मुद्दे पर सियासी रोटियां सेंकने का शर्मनाक प्रयास करें। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के समक्ष उठाने के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर मार्ग पर सोलर लाइट्स दोबारा लगाने के आदेश वन विभाग को दिए हैं। सरकार जरूरत पड़ने पर वन विभाग के माध्यम से फॉरेस्ट कंजरवेशन एक्ट (एफसीए) की मंजूरी लेने के लिए प्रक्रिया शुरू करने पर विचार कर रही है। ऐसे में भाजपा द्वारा किए गए प्रदर्शन का कोई मतलब ही नहीं है। मल्ली ने भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि केंद्र में अपनी सरकार से इस मसले पर जारी आदेश तुरन्त वापस लेने को कहें न कि सियासत करें।
शहीद सुरजीत सिंह डढवाल की जयंती के उपलक्ष्य पर राजकीय माध्यमिक पाठशाला लोअर सुनेहत कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यालय के बच्चों ने देश भक्ति के गीत व कविताएं प्रस्तुत कर शहीद सुरजीत को नमन किया। इस अवसर शहीद की माता ईश्वरी देवी व पिता हुकम सिंह, मान चंद, भूपेंद्र सिंह, जगदीप डढवाल, रविंद्र डडवाल, रंजोध डढवाल, आशा देवी, नीलम डढवाल, संजीव डढवाल व रोहित सुरेंद्र व गांव के सभी पूर्व सैनिक एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। रविंद्र डढवाल ने बताया कि ग्रेनेडियर सुरजीत सिंह का जन्म 15 जनवरी 1977 को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के लॉअर सुनहेत के चुधरेहड़ गांव में हुकम सिंह डढवाल एवं ईश्वरी देवी के घर हुआ था। 28 अक्टूबर, 1996 को जबलपुर से वह भारतीय सेना की ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में ग्रेनेडियर के पद पर भर्ती हुए थे। प्रारंभिक प्रशिक्षण के पश्चात उन्हें 16 ग्रेनेडियर्स बटालियन में नियुक्त किया गया था। प्रशिक्षण पूरा होने के 9 माह पश्चात ही उन्हें कारगिल के द्रास सेक्टर में तैनात किया गया। ऑपरेशन विजय में 24 जुलाई 1999 को 16 ग्रेनेडियर्स बटालियन को नियंत्रण रेखा के समीप पॉइंट 5363 पर कब्जा करने का कार्य सौंपा गया। चढ़ाई आरंभ करते ही शत्रु पोस्ट छोड़कर भाग गए। 25 जुलाई 1999 की प्रात: लगभग 250 की संख्या में पाकिस्तानी सैनिकों और कमांडो ने प्रचंड पलटवार किया। उस भीषण लड़ाई में अदम्य साहस, दृढ़ निश्चय एवं वीरता से लड़ते हुए ग्रेनेडियर सुरजीत सिंह के सिर पर शत्रु की तोप का गोला गिरा और वह वीरगति को प्राप्त हुए।
उप मंडल देहरा के अंतर्गत बढल ठोर बस स्टैंड सड़क किनारे आड़ी-तिरछी खड़ी गाड़ियों के कारण यहां जाम लगना आम बात हो गई है। इससे केवल राहगीरों को ही परेशानी नहीं होती, बल्कि आए दिन बड़े हादसे का अंदेशा भी बनारहता है। हालांकि पुलिस भी समय-समय पर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसती आ रही है, बावजूद इसके कई बिगडै़ल चालक अपनी गाड़ियों को सड़क किनारे पार्क करके दूर दूर तक नजर नहीं आते हैं। इस सड़क से बढल ठोर से डाडासीबा व तलवाड़ा के लिए बसें गुजरती हैं। बस स्टैंड में बस के इंतजार में पहले ही सवारियां खड़ी रहती हैं और ऊपर से सड़क पर गाड़ियों के पार्क होने से वहां से तेज रफ्तार से गुजर रही अन्य गाड़ियों का भी पता नहीं चलता है, जिससे हमेशा हादसे का डर बना रहता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का हल किया जाए। वहीं, इस संदर्भ में डीएसपी देहरा अनिल ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने बताया अगर यहां पर प्रतिदिन जाम की स्थिति रहती है तो शीघ्र इस समस्या का हल करवाया जाएगा।
मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना उनकी प्राथमिकता है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। संजय अवस्थी ने कहा कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बाड़ीधार में अधोसरंचना विकास पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सवावा गांव से बाड़ीधार को जोड़ने के लिए रज्जो मार्ग बनाने के कार्य को विधायक प्राथमिकता में डाला गया है। रज्जो मार्ग के निर्माण के लिए लगभग 150 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। इससे पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय निवासियों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत राज्य सरकार ने 680 करोड़ रुपए की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट अप योजना आरंभ की है। इस योजना के अंतर्गत युवाओं को ई-टैक्सी की खरीद पर 50 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से इस योजना का लाभ उठाने का आग्रह भी किया। मुख्य संसदीय सचिव ने ग्राम पचंायत देवरा में 7.31 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाले ग्राम पंचायत देवरा की मंज्याट, पाटी, देवरा, पपलोटा संपर्क मार्ग का शिलान्यास किया। उन्होंने राजकीय प्राथमिक पाठशाला देवरा में 3.50 लाख रुपये की राशि से निर्मित अतिरिक्त कमरे का लोकार्पण भी किया। मुख्य संसदीय सचिव ने ग्राम पंचायत देवरा में कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए।
सकोह पहुंचने पर आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री का भव्य स्वागत आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर के लोगों ने भरपूर आशीर्वाद दिया है और जनमानस की अपेक्षाओं तथा उम्मीदों को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। गोमा आज जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के सकोह में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर हलके का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है और क्षेत्र की जरूरत तथा मांग के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सकोह, लियूंडा और करोंठी गांव में पेयजल सुधार के लिये नई पाइप लाइन बिछाने, टैंक बनाने पर एक वर्ष के भीतर 60 लाख रुपये व्यय किये गए हैं। गोमा ने कहा कि प्रथम चरण में जयसिंहपुर हलके में मुख्य स्थानों पर 25 हाई मास्क सोलर लाइट्स लगाई जा रही हैं और अगले वर्ष से ऐसी लाइट्स पंचायत स्तर पर लगाई जाएंगी। उन्होंने स्थानीय मोक्षधाम के शेष कार्य के लिये 2 लाख, खेल मैदान के लिये 2 लाख तथा रेन शेल्टर के लिये 4 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लियून्डा गांव जो जोड़ने वाली पुलिया क्षतिग्रस्त हुई है। इसके शीघ्र निर्माण के लिये लोक निर्माण विभाग को प्राकलन तैयार करने के लिये कहा गया है और इसके लिये राशि उपलब्ध करवा दी जायेगी। मंत्री ने कहा कि उनके पिछले कार्यकाल में स्वीकृत आलमपुर से जयसिंहपुर हारसीपत्तन सड़क मार्ग का कार्य प्रगति पर है। मार्च में टारिंग सीजन आरंभ होते ही फाइनल लेयर बिछने के बाद लोगों को आवाजाही के लिये बढ़िया सड़क उपलब्ध होगी। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत डढवाल, प्रधान सकोह सुशील शर्मा, उपप्रधान राम सिंह, रोबिन कुमार, जन्म चन्द कटोच, अभिषेक सूद, अशोक धीमान, हेम राज शर्मा, लक्की शर्मा, एक्सईएन विजय वर्मा व सरवन ठाकुर, बीडीओ सिकंदर कुमार, नायब तहसीलदार राजीव शर्मा, जिला आयुर्वेद अधिकारी गगनदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्युत उपकेंद्र सिद्धपुर में बिजली की लाइनों तथा विद्युत उपकरणों के जरुरी रख रखाव हेतु 16 जनवरी, 2024 को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सिद्धबाड़ी, सिद्धपुर, फतेहपुर, बागणी, रक्कड़, लोअर मोहली, तपोवन, झिओल, बरवाला, ग्यूतो मोनेस्टरी, घियारी पुल, रसां, बरेह, धिकटू, ठम्बा आदि क्षेत्रों मे विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। मौसम खराब होने या अन्य आकस्मिक आपदा में ये कार्य स्थगित या आंशिक रूप से किया जा सकता है। यह जानकारी सहायक अभियंता कर्म चंद भारती ने दी।
** शिव प्रताप शुक्ल ने सेना दिवस पर 'आर्मी मेले' की अध्यक्षता की भारतीय सेना दिवस के अवसर पर आज शिमला के अनाडेल में 'आर्मी मेले' का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने की। लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। राज्यपाल ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, जब हम भारतीय सेना के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, अटूट प्रतिबद्धता और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हैं। यह उन बहादुर सैनिकों को सम्मानित करने का दिन है जो साहस, समर्पण और नि:स्वार्थता के साथ हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि वीर सैनिक राष्ट्र और नागरिकों की सुरक्षा के लिए विपरीत परिस्थितियों के बावजूद निरंतर अपने कर्तव्य का निर्वहन सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बलों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। वह बाहरी खतरों से राष्ट्र की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने से लेकर देश के भीतर आपदा राहत कार्यों का भी बखूबी निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि एक नागरिक के रूप में हमारे लिए सशस्त्र बलों द्वारा किए गए बलिदानों की सराहना और उनके योगदान के महत्व को समझना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से लोगों में सेना के प्रति सम्मान बढ़ेगा और युवा पीढ़ी में भारतीय सेना में शामिल होने के लिए और अधिक उत्साह पैदा होगा। इस अवसर पर राज्यपाल ने सेना के जवानों को सम्मानित भी किया। आर्मी ट्रेनिंग कमांड (आरट्रैक) शिमला के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने राज्यपाल का स्वागत किया। इससे पहले, राज्यपाल ने मद्रास रेजिमेंट की कलारीपयट्टू टीम के मार्शल आर्ट प्रदर्शन, आर्मी डॉग स्क्वाड शो, गतका टीम और पाइप बैंड का प्रदर्शन भी देखा। इसके उपरांत राज्यपाल ने आर्मी हेरिटेज म्यूजियम का भी दौरा किया। इस अवसर पर भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, पूर्व सैनिक और उनके परिवार के सदस्य, एनसीसी कैडेट और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
-कहा, हिमाचल में विकसित करेंगे उत्कृष्ट फिल्म शूटिंग स्थल हिमाचल प्रदेश को फिल्म निर्माण के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में विकसित करने के दृष्टिगत राज्य सरकार ने हाल ही में एक व्यापक फिल्म नीति को स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और यहां के नैसर्गिक स्थल फिल्म निर्माण के लिए उपयुक्त हैं। प्रदेश में पूर्व में अनेक सुपर हिट फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है और प्रदेश सरकार राज्य में फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा प्रदान कर स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाओं के साथ उत्कृष्ट फिल्म शूटिंग स्थलों की पेशकश की जाएगी। राज्य सरकार द्वारा ऑनलाइन उपकरणों को सूचीबद्ध कर निजी कंपनियों को प्रोडक्शन हाउस स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में कम से कम 50 प्रतिशत शूटिंग के साथ बेहतरीन फिल्मों के लिए वार्षिक फिल्म पुरस्कार शुरू करेगी। इसके साथ ही प्रदेश के प्रतिभावान बच्चों और युवाओं को कलाकार प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से ललित कला और अन्य संबंधित पाठ्यक्रमों में शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रदेश सरकार द्वारा राज्य की प्रतिभाओं को निखार कर उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान करना है। राज्य में आएगा अतिरिक्त निवेश नई फिल्म नीति हिमाचल को फिल्म निर्माण के पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मील पत्थर साबित होगी। राज्य के इतिहास, संस्कृति, विरासत, परंपराओं और अनछूए गंतव्य स्थलों को प्रसारित करने में भी यह नीति सहायक सिद्ध होगी। इस नीति का उद्देश्य फिल्म उद्योग के माध्यम से प्रदेश में अतिरिक्त निवेश को आकर्षित करना है। इसके तहत राज्य सरकार द्वारा सूचना एवं जन संपर्क विभाग में एक फिल्म सुविधा सेल स्थापित किया जाएगा जो फिल्म निर्माण की अनुमति के लिए एकल खिड़की के रूप में कार्य करेगा और तीन कार्य दिवस में एक त्वरित ऑनलाइन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। यह सेल निर्माताओं को आवश्यक अनुमति प्राप्त करने में सहायता प्रदान करने के साथ ही सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के वेब पोर्टल से जुड़े केंद्रीय कोष के रूप में भी कार्य करेगा। फिल्म विकास निधि भी निर्मित की जाएगी फिल्म फेस्टीवल, पुरस्कार और संबंधित गतिविधियों के आयोजन के दृष्टिगतएक फिल्म विकास निधि भी निर्मित की जाएगी। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा इसका प्रबंधन हिमाचल प्रदेश फिल्म विकास परिषद् के मार्गदर्शन में किया जाएगा। फिल्म विकास परिषद् राज्य में फिल्म क्षेत्र के विकास के लिए रणनीति तैयार करेगी और आवश्यक अधोसंरचना के विकास एवं स्तरोन्नयन के लिए प्रदेश सरकार को आवश्यक सिफारिश भी करेगी। यह परिषद् फिल्म नीति के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी भी करेगी और समय-समय पर आवश्यक संशोधन के लिए संबंधी सुझाव भी देगी।
हिमाचल के मंडी जिले में एक ट्यूशन सेंटर में स्कूल की छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करने का मामला काफी गर्मा गया है। इस मामले को लेकर आज स्माइल हिमाचल संस्था, हिमाचल देव सेना और एक राष्ट्रीय स्तर की संस्था द्वारा डीएसपी मंडी को ज्ञापन दिया। समाजसेवी निखिल वालिया ने कहा कि देवभूमि में इस तरह की हरकतें सहन नहीं की जाएंगी। बेटियों के साथ इस प्रकार की शर्मनाक हरकतें करने वालों पर पुलिस को कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने डीएसपी से मांग की कि पुलिस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई करे और आरोपी व्यक्ति को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
** कहा, बैक डोर इंट्री की चाबी है गेस्ट टीचर भर्ती भारतीय जनता पार्टी सुक्खू सरकार द्वारा गेस्ट टीचर भर्ती को युवाओं के साथ धोखा करार देती है और इसे युवाओं की प्रतिभा का अपमान व शोषण करार देती है। भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने सरकार पर आरोप लगाते हुई कहा कि एक साल में एक लाख नौकरी देने की गारंटी के साथ सत्ता में आयी सुक्खू सरकार आज अपने चहेतों को लाभ देने के लिए इस प्रकार की योजनाओं लाकर युवाओं को ठगने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने चयन बोर्ड को बंद करके मेरिट को दरकिनार कर आज सरकार गेस्ट टीचर भर्ती के माध्यम से युवाओं को 200-300 रुपये प्रति पीरियड मानदेय देकर युवाओं की डिग्री व उपाधि का अपमान कर रही है। सरकार युवाओं की बेरोजगारी और उनकी मजबूरी का लाभ उठाकर इसी योजनाओं के माध्यम से उनका शोषण करने का प्रयास करना चाहती है। प्रवक्ता धर्माणी ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार बनाने से पहले रोजगार क़े नए अवसर पैदा करने व पद सृजित करने का वादा भी किया था परन्तु आज हाल यह है कि खाली पड़े पदों को आजतक सरकार भर नहीं पाई उल्टा चोर दरवाजे से भर्ती कर बेरोजगारों को ठग रही है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि झूठी सरकार अपनी झूठी गारंटियों का खुलासा करे और ये बताये कि पहली कैबिनेट में जो एक लाख नौकरियां देनी थी उनका क्या हुआ? भाजपा प्रवक्ता धर्माणी ने कहा भाजपा युवा विरोधी और युवाओं का शोषण करने वाली सरकार की इस नीति को गलत मानती है और इसे तुरंत वापस लेने कि मांग करती है साथ ही यह भी मांग करती है कि सरकार अपने चुनावी वादे के अनुसार 1 लाख सरकारी नौकरी दे और सरकारी चयन आयोग बोर्ड के माध्यम से पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को स्वाभिमान और सम्मान से नौकरी प्रदान करे, ताकि वे सम्मान के साथ जीवन यापन कर सकें।
हिमाचल प्रदेश बेरोजगार कला अध्यापक संघ हिमाचल प्रदेश सरकार की नई गेस्ट टीचर भर्ती से काफी नाराज हैं। संघ ने गेस्ट टीचर भर्ती पर विरोध करते हुए मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से सवाल किया है कि आप ने तो बेरोजगार युवाओं से वादा किया था कि हम अस्थाई शिक्षक भर्ती का विरोध करते हैं और हम अस्थाई शिक्षक की कभी भर्ती नहीं करेंगे, लेकिन सारे बादे टूटते हुए नजर आ रहे हैं और पुरानी सरकार के रास्ते अपनाते नजर आ रहे हैं। संघ ने कहा कि एक तरफ बेरोजगार युवा कमीशन की तैयारी के लिए काफी टाइम से मेहनत कर रहे हैं और सरकार से आस लगाए बैठे हैं कि सरकार कब पोस्टें निकालेंगी, परंतु सरकार लाखों युवाओं के साथ खिलवाड़ करके अस्थाई शिक्षक भर्ती करने जा रही सरकार अपनी ही बात पर उल्ट कर रही है। संघ ने ये सवाल उठाया है कि गेस्ट टीचर भर्ती का हम विरोध करते हैं और इस पॉलिसी को निरस्त करने की मांग की है। संघ ने कहा कि ऐसी पॉलिसी युवाओं को शोशित करती है। और पढ़ें लिखे नौजवानों को तनाव में धकेलती है। संघ के अध्यक्ष बलवंत सिंह और उपा अध्यक्ष जगदीश ठाकुर कोषाध्यक्ष शक्ति प्रसाद सचिव विजय चौहान और सहसंगठन सदस्य बलदेव ठाकुर अशोक कुमार सुखदेव, पंकज कुमार, घनश्याम, सीमा शर्मा अंजना और आदि सदस्य तथा जिला सदस्यों ने कहा है कि पहले पैरा टीचर्स और उसके बाद पीटीए और एसएमसी टीचर को भी तनाव झेलना पड़ा, लेकिन अब सरकार ऐसा न करे, क्योंकि बहुत से ऐसे लोग हैं, जिनकी उम्र निकलती जा रही है। संघ ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि आप एक साफ और स्वच्छ छवि बाले मुख्यमंत्री है और हर एक काम को सोच समझ कर रास्ता निकालते हैं तो फिर ऐसी परिस्थितियों में न नौजवानों को डालें और न ही खुद ऐसी स्थिति में आए। हालांकि हिमाचल प्रदेश सरकार के द्वारा सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा भी दिया गया है कि ऐसे भर्ती द्वारा से हिमाचल प्रदेश में नहीं होगी। इसलिए संघ ने मुख्यमंत्री से और शिक्षा मंत्री से अनुरोध किया है कि आप सीधी भर्ती करें और जहां भी सरकार नौकरी के लिए भेजती है, हम वहां जाने के लिए तैयार हैं।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार बीएसएल पुलिस थाना कॉलोनी के तहत निहरी के खरठीं गांव में सोमवार को एक स्लेटनुमा दोमंजिला मकान में आग लग गई। आग लगने से मकान के अंदर का पूरा सामान जलकर राख हो गया है। गनीमत रही कि इस घटना के समय घर के भीतर परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था, वरना घटना बड़ी हो सकती थी। परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों को जैसे ही घटना का पता लगा तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंच आग पर काबू पाने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक मकान पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था।
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले रणजी मैच में उत्तराखंड की टीम ने हिमाचल को 88 रनों से हरा दिया। आज 39 रनों से आगे खेलते हुए हिमाचल की टीम ने लंच से पहले ही अपने बचे हुए चार विकेट खो दिए। ऋषि धवन 51 रन बनाकर नाबाद रहे। बता दें कि उत्तराखंड की टीम ने मैच में पहली पारी में 238 रन बनाए थे। इसके जवाब में हिमाचल की टीम ने पहली पारी में 271 रन बनाकर 33 रन की बढ़त ले ली थी। वहीं, दूसरी पारी में उत्तराखंड की टीम ने 238 बनाकर हिमाचल की 195 रनों को लक्ष्य दिया। रविवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक हिमाचल की टीम ने 39 रनों पर छह विकेट खो दिए थे। वहीं सोमवार को हिमाचल की टीम लंच ब्रेक से पहले 106 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ उत्तराखंड की टीम दो अंकों के साथ अंक तालिका में टॉप थ्री में पहुंच गई है।
जयसिंहपुर में पहली क्रिकेट एकेडमी खुलने जा रही है। यह जानकारी एसडीएम संजीव ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि 19 जनवरी को दोपहर बाद प्रदेश के आयुष व खेल मंत्री यादविंदर गोमा इस अकादमी का शुभारंभ करेंगे, जबकि डीसी कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। एसडीएम जयसिंहपुर व क्रिकेट एकेडमी के संयोजक संजीव ठाकुर ने कहा कि इस क्रिकेट एकेडमी में अंडर 20 लड़के और लड़कियां क्रिकेट सीख सकते हैं। उन्होंने बताया कि जो भी बच्चे एकेडमी में क्रिकेट सीखना चाहते हैं, वे एसडीएम कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
** बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर शनिवार को पहुंच गए थे शिमला ** लंबे समय के बाद शिमला में शूट की जाएगी बड़े पर्दे की फिल्म ** कल से शुरू होगी फिल्म की शूटिंग लंबे समय के बाद शिमला की वादियों में बड़े पर्दे की फिल्म शूट की जाएगी। बॉलीवुड के हास्य कलाकार और अभिनेता राजपाल यादव फिल्म की शूटिंग के लिए पहाड़ों की रानी शिमला पहुंच गए हैं। उनसे पहले अभिनेता नाना पाटेकर, उत्कर्ष शर्मा, अभिनेत्री सिमरत कौर और डायरेक्टर अनिल शर्मा शनिवार को ही शिमला पहुंच चुके हैं। यह फिल्म पिता और बेटे के रिश्तों पर बनाई जा रही है। इसमें नाना पाटेकर पिता का किरदार निभा रहे है। सिमरत कौर फिल्म में नायिका हैं। फिल्म के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने शिमला में इससे पहले गदर और गदर टू फिल्म शूट की है। इससे पहले 2022 में बॉलीवुड की फिल्म शूट की गई थी। इसमें अभिनेता अनिल कपूर और आदित्य रॉय कपूर ने अभिनय किया था।बहल प्रोडक्शन के प्रबंधक विकास बहल ने बताया कि सभी कलाकार मशोबरा के होटल में ठहरे हैं। मंगलवार से मशोबरा में फिल्म शूट की जाएगी। इसके बाद शिमला के अन्य पर्यटक स्थल शूटिंग के लिए चयनित किए गए है। बताया कि 20 फरवरी तक शिमला में फिल्म की शूटिंग चलेगी।
** व्हीकल परचेज कमेटी की बैठक में बनी सहमति **18 जनवरी को होने वाली बोर्ड की बैठक में होगा अंतिम फैसला हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में तीन तरह की इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने तीन तरह की 300 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का फैसला लिया है। इसे लेकर निगम की व्हीकल परचेज कमेटी की बैठक में सहमति बनी है। 18 जनवरी को होने वाली बोर्ड की बैठक में इसको लेकर अब अंतिम फैसला लिया जाएगा। निगम की योजना के तहत प्रदेश के शहरों में लोकल रूटों के लिए टाइप वन इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। मौजूदा समय में शिमला, धर्मशाला सहित अन्य जिलों में टाइप वन बसें चल ही रही हैं। लंबी दूरी के रूटों के लिए निगम टाइप टू इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा। ये बसें एक जिले से दूसरे जिले या बाहरी राज्यों के लिए चलाई जाएंगी। निगम लग्जरी इलेक्ट्रिक बसें भी खरीदेगा। ये मौजूदा समय में चल रही वोल्वो बसों का स्थान लेंगी। 300 बसों की खरीद की प्रक्रिया एक साथ शुरू होगी या चरणबद्ध तरीके से बसें खरीदी जाएंगी, इस पर फैसला होना अभी बाकी है। चरणबद्ध तरीके से बसों की खरीद की संभावना अधिक है। केंद्र और राज्य सरकार की स्क्रैप पॉलिसी के तहत 15 साल की उम्र पूरी होने वाली बसों के स्थान पर नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। वहीं, इलेक्ट्रिक बसें जीरो बुक वैल्यू पूरी करने वाली बसों को भी रिप्लेस करेंगी।
अयोध्या में भव्य राम मंदिर की स्थापना के उपलक्ष में 22 जनवरी को हो रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश व देश में भारतीय जनता पार्टी के नेता व कार्यकर्ता धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चला रहे हैं । इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के राज्य अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने ऊना मुख्यालय के गुरुद्वारा व मंदिर में पहुंचकर स्वच्छता अभियान चलाकर सद्भावना का संदेश दिया। भारतीय जनता पार्टी के राज्य अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ,पूर्व राज्य अध्यक्ष व ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व राज्यसभा सदस्य डॉक्टर सिकंदर कुमार, महामंत्री बिहारी लाल शर्मा, भाजपा नेता प्रोफेसर रामकुमार, जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया, युवा कार्यकर्ता वरुण मैहन, खामोश जैतिक, साहिल जैतिक इस मौके पर विशेष रूप से उपस्थित रहे। डॉ. राजीव बिंदल ने शीतला माता मंदिर परिसर में अन्य नेताओं के साथ सफाई अभियान चलाया। वहीं मंदिर के पंडित जयदेव तिवारी के साथ शीतला माता मंदिर के इतिहास को लेकर के बात की वहीं श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के आयोजन को लेकर के भी चर्चा की। इसके बाद डॉक्टर राजीव बिंदल ने गुरुद्वारा शहीद सिंघा में स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा में माथा टेका, गुरुद्वारे के इतिहास के बारे में जानकारी ली और अन्य नेताओं के साथ मिलकर गुरुद्वारा परिसर में सफाई की सद्भावना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत हम सब की एकता है और हम सबके लिए खुशी का पर्व है कि मकर संक्रांति पर जहां हम सब हर्ष व उल्लास से आगे बढ़ रहे हैं। वहीं 22 जनवरी को भगवान श्री राम का भव्य मंदिर अयोध्या में बनकर तैयार हो रहा है, प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम भव्य स्तर पर हो रहा है, इसको लेकर के हम सब 21 जनवरी तक स्वच्छता अभियान धार्मिक स्थलों पर चलाएंगे और 22 जनवरी को हर मंदिर में राम संकीर्तन करते हुए अयोध्या के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी दिखाएंगे, उसमें बीजेपी के कार्यकर्ता सहयोग करेंगे ताकि इस ऐतिहासिक क्षण के हम सब साक्षी बन सके।
** मंदिर में माथा टेका, अखंड धुने का लिया आशीर्वाद ** श्रद्धालुओं को 22 को अयोध्या में होने वाले कार्यक्रम की दी बधाई केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री के आह्वान पर उत्तर भारत के प्रसिद्ध डेरा बाबा रूद्रानंद में स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने डेरा बाबा रूद्रानंद में माथा टेका, अखंड धुने का आशीर्वाद लिया और मंदिर परिसर की सफाई की। केंद्रीय मंत्री को सफाई करते हुए देख श्रद्धालुओं ने भी उनकी खूब सराहना की। वहीं, केंद्रीय मंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम लला की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की बधाई दी और अपने-अपने गांव में उस दिन राम संकीर्तन करने व प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लाइव देखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ राजनीतिक दल केवल राजनीतिक मंशा से श्री राम मंदिर कार्यक्रम का विरोध भी कर रहे हैं, निमंत्रण भी स्वीकार नहीं कर रहे हैं और इस कार्यक्रम से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह श्री राम मंदिर का कार्यक्रम है, यह आस्था का, सनातन का कार्यक्रम है। इसलिए किसी को भी श्री राम मंदिर के निर्माण को लेकर इस प्रकार का व्यवहार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब प्रभु श्री राम अयोध्या में भव्य मंदिर में विराजमान हो रहे हैं इसका उल्लास है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या धाम को विकसित किया जा रहा है, अयोध्या धाम आने वाले समय में विश्व का सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बनने जा रहा है, जहां रोजगार भी मिलेगा, धर्म का प्रचार भी बढ़ेगा, इसकी प्रसन्नता हम सबको होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हिंदू विरोधी चेहरा सामने ला रही है जो कांग्रेस के नेतृत्व के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके साथ में पूर्व मंत्री वीरेंदर कंवर, संसदीय क्षेत्र सह प्रभारी व प्रदेश सचिव सुमीत शर्मा, मंडल अध्यक्ष चरणजीत शर्मा, रमेश शर्मा, कमल चौधरी, बलराम, शुभलता महामंत्री महिला मोर्चा, दिलबाग, गुरबचन व मनोहर लाल,अमन उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर डाडासीबा में एक दैनिक समाचार के पत्रकार को जान से मारने की धमकी का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि अब डाडासीबा में ही एक और समाचार पत्र के पत्रकार सुनील कुमार को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी कांगड़ा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों से की है। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा है कि कुछ दिन पहले उन्होंने जसवां परागपुर में जीवन धीमान मारपीट केस ससे संबंधित समाचार प्रकाशित किया था, जिसमें जसवां-परागपुर के एक राजनीतिक दल के नेता के लोगों पर मारपीट का आरोप लगा था। शिकायत पत्र में कहा गया है कि नेता के एक करीबी युवक ने उनकी पोस्ट पर गलत कमेंट और धमकी देना शुरू कर दिया। उन्होंने इन बातों को इग्नोर कर दिया और किए गए कमेंट को डिलीट कर दिया। लेकिन, 13 जनवरी को दोबारा से इस युवक ने सोशल मीडिया पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने एसपी कांगड़ा को भेजे शिकायत पत्र में कहा है कि अगर कल को उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसके लिए धमकी देने वाला युवक व उसे संरक्षण देने वाले लोग जिम्मेदार होंगे। सुनील कुमार ने इस मामले की तुरंत जांच करने की मांग करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इसी मामले को लेकर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन नंबर 1100 पर भी शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं, पत्रकारों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार की समाजसेवी मुकेश कुमार ने भी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए जो पत्रकारों को सोशल मीडिया पर धमकी दे रहे हैं।
जिला कुल्लू के नग्गर की संस्था हंस फाउंडेशन की मोबाइल मेडिकल यूनिट 1,2 व 4 ने 14 जनवरी को सोलंग में स्थित बस्तियों, हिरनी गांव व सेऊबाग में रहने वाले लोगों के लिए स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। इसमें थायराइड के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य शिविर के दौरान 130 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य निरीक्षण किया गया व आवश्यक अनुसार लैब टेस्ट भी किए गए। साथ ही लोगों को औषधियां भी वितरित की गई। इस मौके पर मोबाइल मेडिकल यूनिट 1 में डॉ. रमेश शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी आयुशी सूद, लैब टेक्नीशियन नागन देवी, फार्मासिस्ट सीमा ठाकुर, पायलेट केहर सिंह, मोबाइल मेडिकल यूनिट 2 में डॉ. निशांत शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी फंचोग डोलमा, लैब टेकनीशियन रोहित सिंह व प्रवीण कुमार और साथ में मोबाइल मेडिकल यूनिट 4 में डॉ. अश्मिता शर्मा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी दीवान सिंह, फार्मासिस्ट आयशा व पायलट संदीप कुमार मौजूद रहे। लोगों के द्वारा हंस फाउंडेशन की इस अनूठी मुहिम की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को संचालित करते रहने की स्वीकृति दी है।
** एएसपी योगेश रौल्टा ने अपने नाम किया मैन ऑफ द मैच पुरस्कार नशे के खिलाफ जागरुकता बढ़ाने को लेकर रविवार को एसपी सोलन इलेवन व प्रेस क्लब सोलन के बीच मैत्री मैच खेला गया। इस बेहद ही रोमांचक मुकाबले में एसपी इलेवन की टीम 5 विकेट से विजयी रही। मैच का शुभारंभ एसपी सोलन गौरव सिंह ने किया। मैच में अपने हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत एएसपी सोलन योगेश रौल्टा को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। मैच के शुभारंभ पर बतौर मुख्यातिथि पहुंचे एसपी सोलन गौरव सिंह ने सभी खिलाडिय़ों को अपनी शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नशे की गर्त में फसती जा रही है और खेलकूद के जरिए भी हम अपनी युवा पीढ़ी को इससे बाहर निकाल सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज का मैच भी नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने के लिए खेला जा रहा है। इसमें प्रेस क्लब सोलन के सदस्यों का साथ मिलना काफी महत्वपूर्ण है। इसके पश्चात प्रेस क्लब सोलन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम के दोनों ओपनरों ने अच्छी शुरूआत देनी चाही लेकिन एसपी इलेवन की सधी हुई गेंदबाजी की बदौलत पहला विकेट जल्द ही गिर गया। इसके पश्चात विशाल वर्मा व मनोज ठाकुर की जोड़ी ने पारी को संभाला और रन जोडऩे शुरू किए। हालांकि इन दोनों के आऊट होने के बाद टीम को कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर ज्यादा देर टिक नहीं पाए और 20 ओवर खत्म होने पर टीम 8 विकेट के नुकसान पर 146 रन ही बना पाई। विशाल ने 48 व मनोज ने 35 व मनीष ने 12 रनों का योगदान दिया। एसपी इलेवन की ओर से योगेश रोल्टा ने तीन विकेट चटकाए, जबकि अनिल सुनील व संजीव को एक-एक विकेट मिला। 147 रनों का पीछा करने उतरी एसपी इलेवन के ओपनर अनिल धौलटा व रत्न ने सधी हुई शुरूआत की। रत्न के आऊट हो जाने के बाद योगेश रोल्टा व अनिल धौलटा ने टीम को संभाला और टीम को जीत की ओर ले गए। हालांकि अंतिम ओवरों में दोनों बल्लेबाज आऊट हो गए। एसपी इलेवन के अन्य बल्लेबाजों ने टीम को जीत दिला दी। टीम के लिए रत्न ने 34, योगेश रोल्टा ने 33, अनिल धोल्टा ने 28, पुनीत ने 7, कृष्ण ने 6, महेंद्र ने 16 रनों का योगदान दिया। प्रेस क्लब की ओर से सौरभ शर्मा व विशाल वर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए। मैच के अंत में विजेता ट्राफी एसपी इलेवन टीम के कप्तान योगेश रोल्टा को प्रदान की गई। उन्हें 3 विकेट व 33 रनों की बदौलत मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से भी नवाजा गया। उन्होंने कहा कि सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है और आज का मैच भी नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए आयोजित किया गया था। उन्होंने प्रेस क्लब सोलन सहित पुलिस टीम के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अरविंद कश्यप और प्रताप भारद्वाज ने ट्रॉफी प्रदान कर मैच का समापन किया।
** बोले, वन विभाग अब त्रियूंड में नहीं वसूल पाएगा फीस ** जदरांगल में ही बनेगी सेंट्रल यूनिवर्सिटी आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के रास्ते उखाड़ी गई सोलर लाइटें दोबारा लगाई जाएंगी। यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने कही। रविवार को वीडियो बयान जारी करके सुधीर शर्मा ने कहा कि इस गंभीर मसले पर उनकी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात हुई है। इसके बाद उन्होंने लाइटों को दोबारा लगाने के आदेश जारी किए हैं। सुधीर शर्मा ने इस बारे में सबसे पहले मसला उठाते हुए पुलिस में शिकायत दी थी। सुधीर शर्मा ने आगे कहा कि त्रियूंड में भी वन विभाग ने फीस वसूलने का फैसला लिया था, उस पर भी सीएम ने रोक लगाने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि देश-दुनिया के लाखों भक्तों की आस्था का केंद्र आदि हिमानी चामुंडा मंदिर के रास्ते से सोलर लाइटें काटना व खोलना शर्मनाक है। आदि हिमानी चामुंडा के रास्ते दर्जनों सोलर लाइटें लगाई गई थीं। रात के समय इन लाइटों से मंदिर का अनूठा नजारा दुनिया भर के भक्तों को आकर्षित कर रहा था। आदि हिमानी चामुंडा हिमाचल में धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बन रहा है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी को लेकर सुधीर शर्मा ने कहा कि यह यूनिवर्सिटी जदरांगल में ही बनेगी। प्रदेश सरकार जल्द इसके लिए 30 करोड़ रुपए जमा करवाने जा रही है। धर्मशाला को कर्मभूमि बनाने के बाद उन्होंने जनता की मांग पर जदरांगल में सीयू का सपना देखा था। उन्होंने जनता को भरोसा दिया कि सीयू का जदरांगल में काम हर हाल में करवाया जाएगा।
**दाड़ी में दुनिया का सबसे ऊंचा फिडलहेड स्कल्पचर भी हिमाचल के नाम **कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ने स्मार्ट सिटी में शुरू किए पर्यटन के दो नए अध्याय स्मार्ट सिटी धर्मशाला में मकर संक्राति के पावन अवसर पर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने दो सौगातें हिमाचलवासियों के नाम कर दीं। रविवार सुबह सुधीर शर्मा ने धर्मशाला के कचहरी चौक पर 150 फुट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने दाडी में दुनिया के सबसे ऊंचे फिडलहेड लुंगड़ू स्कल्पचर का भी लोकार्पण किया। यह फडलहेड लुंगड़ू स्कल्पचर दुनिया में सबसे ऊंचा बताया जा रहा है। इसके सत्यापन के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स को लिखा गया है। सुधीर शर्मा ने कहा कि सबसे ऊंचा तिरंगा व फडलहेड लुंगड़ू धर्मशाला में पर्यटन का नया अध्याय लिखेंगे। देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों के लिए ये आकर्षण का केंद्र बनेंगे। इससे पहले कचहरी चौक पर तिरंगे का लोकार्पण करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट के तहत यह तिरंगा लगाया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने बताया कि इससे पहले तिरंगे का ट्रायल किया गया था। इसके बाद इस तिरंगे को जनता के नाम समर्पित किया गया है। स्मार्ट रोड प्रोजेक्ट पर तेजी से चल रहा काम सुधीर शर्मा ने बताया कि स्मार्ट सिटी के 75 प्रोजेक्टों में स्मार्ट रोड एक महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है। धर्मशाला में इस प्रोजेक्ट पर अब तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि जिस समय यह परियोजना बन रही थी, उसी समय उन्होंने इस बारे में एक सपना देखा था। वह चाहते थे कि धर्मशाला शहर में किसी एक जगह ऊंचा तिरंगा स्थापित किया जाए, जिससे देश-विदेश से आने वाले सैलानियों में अच्छा संदेश दिया जा सके। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने बताया कि यह तिरंगा दिन-रात रोशनी से जगमग होगा। धर्मशाला में बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा, एचपीसीए क्रि केट स्टेडियम, शहीद स्मारक, शिक्षा बोर्ड, जिला मुख्यालय आदि प्रमुख पहचान हैं। इसके अलावा कृषि, बागबानी, पशुपालन, एक्साइज, इंडस्ट्रीज, दर्जनों बैंक, अस्पताल के अलावा पर्यटन निगम के व प्राइवेट होटल हैं। इनमें रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते हैं। इन लोगों में हाई एंड टूरिस्ट भी शामिल रहते हैं। ऐसे में 150 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा हर किसी को आकर्षित करेगा। इससे देश-दुनिया में सारा शहर फिर से ट्रैंड करने लगेगा।


















































