** मुख्यमंत्री ने होस्टल में नहीं रह रहे विद्यार्थियों के लिए की घोषणा ** जसवां-परागपुर में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में सुनीं समस्याएं कांगड़ा जिला के परागपुर क्षेत्र के गांव नक्की में आयोजित 'सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम' के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना के लाभार्थी प्रिंस शर्मा ने कहा कि वे रीजनल सेंटर धर्मशाला से एमबीए कर रहे हैं और राज्य सरकार उनकी पढ़ाई का खर्च उठा रही है। मुख्यमंत्री ने पूछा कि हॉस्टल का खर्च मिल रहा है, तो प्रिंस ने कहा कि वहां हॉस्टल नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना में सुधार कर हॉस्टल के खर्च के साथ-साथ किराए का भी प्रावधान किया जाएगा, ताकि किराए पर घर लेकर पढ़ने वाले बच्चों को लाभ मिल सके। इसी योजना की लाभार्थी डॉ. रश्मि शर्मा ने कल्याणकारी योजना शुरू करने के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे बीएएमएस की पढ़ाई के बाद डिग्री कर रही हैं, जिसके लिए राज्य सरकार से आर्थिक मदद मिल रही है। इस योजना के तहत उन्हें 4000 रुपये पॉकेट मनी भी मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना कोई दया नहीं है, बल्कि अनाथ बच्चों का अधिकार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घर बनाने के लिए तीन लाख रुपए तथा स्टार्ट-अप व शादी के लिए 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है। आपदा प्रभावित कलोह निवासी सरला देवी ने कहा कि घर बनाने के लिए सरकार की ओर से उन्हें तीन लाख रुपये की सहायता मिल चुकी है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन लाख रुपये तो पहली किश्त के मिले हैं, राज्य सरकार ने घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने पर मुआवजा बढ़ाकर सात लाख रुपये किया है और उन्हें सात लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसके अतिरिक्त उन्हें बिजली एवं पानी का फ्री कनेक्शन और 280 रुपये प्रति बोरी की दर से सीमेंट भी उपलब्ध करवाया जाएगा। आपदा प्रभावित उपरली भरोल निवासी प्रतिमा देवी ने भी तीन लाख रुपये की किश्त प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। मंच से उतर कर बुजुर्ग तारा चंद से मिलने पहुंचे मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान कलोहा निवासी 88 वर्षीय तारा चंद मंच के सामने आए तो मुख्यमंत्री मंच छोड़कर कर उनसे मिलने नीचे उतर गए। बुजुर्ग तारा चंद ने सड़क की समस्या को लेकर उनसेे बात की। इस पर मुख्यमंत्री ने उपायुक्त कांगड़ा को उनकी मदद करने के निर्देश दिए।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की अंबाला से बद्दी आ रही बस में फर्जी टिकट बनाकर हजारों रुपये डकारने वाले कंडक्टर को परिवहन ने सस्पेंड कर दिया है। निगम प्रबंधन ने परिचालक को 45 यात्रियों को फर्जी टिकट जारी कर 4500 रुपये के गबन का दोषी पाया है। कंडक्टर ने टिकट मशीन से छेड़छाड़ कर खाली पर्चियां निकालीं और उन पर हाथ से 4,500 रुपये के फर्जी टिकट बना दिए थे। मशीन खराब होने के नाम पर परिचालक ने यह पूरा खेल रचा था। जब एचआरटीसी की फ्लाइंग स्क्वायड ने निरीक्षण के दौरान कंडक्टर को पकड़ा तो टिकटों का हिसाब नहीं दिखा पाया। फ्लाइंग स्क्वायड की रिपोर्ट पर निगम प्रबंधन ने मामले की जांच का जिम्मा तारादेवी डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक को दिया। क्षेत्रीय प्रबंधक ने अपनी रिपोर्ट में साफ किया है कि परिचालक ने जानबूझ कर यह गड़बड़ी की है। एचआरटीसी परवाणू डिपो ने संबंधित परिचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया और व्यक्तिगत सुनवाई का भी मौका दिया, लेकिन परिचालक की ओर से दी गई दलीलें तथ्यहीन पाई गईं। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक परवाणू ने अनुबंध के नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित परिचालक को सेवाओं से बर्खास्त कर दिया।
** पार्टी कार्यालय सोलन में जिला अध्यक्ष अमित की अध्यक्षता में हुई बैठक ** बूथ जोड़ो, यूथ जोड़ो और मेरा प्रथम वोट अभियान पर हुआ मंथन जिला युवा कांग्रेस सोलन की बैठक शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय सोलन में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित ठाकुर ने की, जबकि मुख्यातिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी मौजूद रहे। इसके अलावा शिमला संसदीय क्षेत्र के चुनाव को-ऑर्डिनेटर अविनाश मेहला विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में बूथ जोड़ो, यूथ जोड़ो अभियान और मेरा प्रथम वोट के बारे में चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष भंडारी ने कहा कि युवा कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता बूथों में जाकर पांच-पांच युवाओं को जोडें़गे। इससे कांग्रेस को मजबूती मिलेगी और लोकसभा चुनाव में भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में जन कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार आम लोगों की सरकार है। इस सरकार ने ओल्ड पेंशन, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार योजना और कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ करने के साथ-साथ आपदा प्रभावित लोगों के लिए 4500 करोड़ रुपये का विशेष आपदा राहत पैकेज जारी करके एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। भंडारी ने कहा कि युवा कांग्रेस को अभी से मजबूती से कार्य करना होगा। वहीं, शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी अखिल अग्रिहोत्री ने कहा कि उनका एक मात्र लक्ष्य है कि लोकसभा चुनावों से पहले ज्यादा से ज्यादा युवाओं को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ा जाए, ताकि आगामी लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को इसका फायदा मिल सके। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को आश्वस्त किया है कि जो भी दिशानिर्देश उनके द्वारा जारी होंगे, उन्हें जमीनी स्तर पर उतारने के लिए भरपूर प्रयास किये जाएंगे। इस मौके पर अंकुर ठाकुर, अमरदीप कौशल, गुरुदिप चौधरी, अशोक भारद्वाज, प्रिंस शर्मा, विशाल शर्मा, जय प्रकाश, विकास ठाकुर, पुनीत शांडिल, अखिल, अमित, कोमल रघुवंशी, पुनीत नारंग, निशांत मकोल, परमिंदर, यशपाल शर्मा, सतीश, साहिल अत्रि, रितिक आदि मौजूद रहे।
संघोल पंचायत के पूर्व प्रधान व जयसिंहपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रसीला राम की वीरवार शाम को मौत हो गई। वे 70 वर्ष के थे। उनके निधन पर आयुष विभाग एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने शोक व्यक्त किया है। यादविंदर गोमा व उनके कार्यकर्ताओं ने वाडू द वन श्मशानघाट जाकर उनको अंतिम विदाई दी। मंत्री यादविंदर गोमा ने कहा कि रसीला राम 50 वर्षों से भी ज्यादा समय से कांग्रेस से जुड़े हुए थे और दो बार संघोल पंचायत के प्रधान व एक बार उप प्रधान रह चुके हैं। गोमा ने कहा कि रसीला राम का निधन कांग्रेस पार्टी के साथ उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उनके कार्यों को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।
** सरकार से 31 मार्च से पहले नियुक्ति देने की उठाई मांग जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (जोओए) आईटी पोस्ट कोड-817 भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी नहीं होने से अभ्यर्थी भड़क उठे हैं। अभ्यर्थियों ने गत दिवस प्रदेश सचिवालय के बाहर धरना दिया था, लेकिन मांगों पर सुनवाई न होने पर आज अभ्यर्थी मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओक ओवर पहुंच गए और सीएम से मिलने पर अड़े रहे। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने अभ्यर्थियों को गेट के बाहर ही रोक दिया था। अभ्यर्थियों ने जेओए आईटी-817 के अंतिम रिजल्ट को घोषित कर 31 मार्च से पहले इन पदों पर नियुक्ति देने की सरकार से मांग उठाई है। अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर ने वर्ष 2020-21 में पोस्ट कोड-817 जेओए आईटी के 1,867 पदों को भरने के लिए आवेदन मांगे थे। प्रदेश भर से करीब एक लाख युवाओं ने इन पदों के लिए आवेदन किया। आवेदन करने के बाद आयोग ने 21 मार्च 2021 को लिखित परीक्षा ली। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने पहले एक फरवरी से 24 फरवरी 2022 और उसके बाद दो मार्च और 22 जून 2022 को स्किल टेस्ट भी करवाया। लिखित और स्किल टेस्ट में उत्तीर्ण 4,335 अभ्यर्थियों के लिए एक अगस्त से 31 अगस्त 2022 तक पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा करवाई गई। इसके बावजूदन अभी तक अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया गया। युवाओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 60 दिन के भीतर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया था। अब इतने अधिक दिन बीत जाने के बाद भी प्रदेश सरकार निर्णय नहीं ले पाई है। इसके चलते अभ्यर्थियों को मानसिक परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दसवीं और 12वीं बोर्ड कक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तिथियां तय कर दी हैं। शिक्षा बोर्ड 21 फरवरी से प्रैक्टिकल परीक्षाएं करवाएगा। इस बाबत शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इन परीक्षाओं का आयोजन स्कूलों को आंतरिक स्तर पर करना होगा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 की दसवीं और 12वीं कक्षा की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 21 से 29 फरवरी तक होंगी। इन प्रैक्टिकल परीक्षाओं को संबंधित स्कूलों को आंतरिक रूप से करना होगा। परीक्षाओं से संबंधित प्रश्नपत्रों को विषय से संबंधित अध्यापकों को ही मौके पर तैयार करना होगा। वहीं प्रैक्टिकल फाइल, अवार्ड लिस्ट और अन्य विस्तृत निर्देश स्कूलों की लॉगिन आईडी पर भेज दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक विषयों से संबंधित प्रैक्टिकल परीक्षाओं की डेटशीट आरएमएस-एनएसडीसी निदेशालय की ओर से अलग से जारी की जाएगी।
** पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्कर्स की होगी भर्ती ** कर्मचारियों की पंचायत स्तर पर की जाएगी तैनाती हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी के सपने संजाये बैठे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जल शक्ति विभाग में हजारों पद भरे जाएंगे, जिसकी अधिसूचना भी जारी हो गई है। जानकारी के मुताबिक विभाग में 4500 पद भरे जाएंगे, जिनमें पंप ऑपरेटर, पैरा फिटर और मल्टीपर्पज वर्कर्स (एमपीडब्ल्यू) की भर्ती की जाएगी। ये कर्मचारी शिमला, हमीरपुर, मंडी और धर्मशाला जोन में रखे जाएंगे। विभाग ने भर्ती के लिए अधीक्षण, अधिशासी अभियंता और अधीक्षक की कमेटी गठित की है। पंचायत स्तर पर कर्मचारियों की तैनाती की जानी है। विभाग में कर्मचारियों की कमी है। इनकी तैनाती से विभाग को काफी हद तक राहत मिलेगी, वहीं गांवों में पानी की सप्लाई को लेकर आ रही समस्या भी दूर होगी। मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद विभाग भर्ती प्रक्रिया शुरू कर रहा है। आईटीआई और डिप्लोमा प्राप्त उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी। आवेदनकर्ता का 10वीं पास होना अनिवार्य है। वर्कर पॉलिसी के तहत इनकी तैनाती की जानी है। विभाग कर्मचारियों को 5,500 रुपये तक मासिक मानदेय देगा। पानी के पंप स्टेशन, स्टोरेज टैंक की देखरेख समेत सप्लाई देने का काम इनका रहेगा और 6 घंटे काम लिया जाएगा। जानकारी देते हुए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि जल शक्ति विभाग में वर्करों की तैनाती को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। जल्द लोगों से आवेदन मांगे जाएंगे और भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस फैसले से जहां युवाओं को रोजगार मिल सकेगा, वहीं जनता को भी राहत मिलेगी।
ठियोग के शिलारू के समीप स्थित रावग गांव के 21 वर्षीय अश्वनी कुमार पुत्र संतराम ने पहले ही प्रयास में राष्ट्रीय स्तरीय नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है। अश्वनी कुमार ने अपनी ग्रेजुेएशन तक की शिक्षा संजौली कॉलेज से की है और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से मास्टर कर रहे हैं। इसके साथ-साथ अश्वनी कुमार हिमाचल के युवा एंकर भी हंै और अपने अभी तक के शैक्षिक अवधि में बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर (अर्थशास्त्र), बेस्ट स्पीकर ऑफ द ईयर जैसे खिताब अपने नाम कर चुके है।
Vice President of India Jagdeep Dhankhar honored THDC India Limited with the prestigious SCOPE Meritorious Award for their outstanding Best Practices in Human_Resource Management in a distinguished ceremony at Vigyan Bhawan, New Delhi. The accolade was received by R. K. Vishnoi, Chairman and Managing Director along with Shallinder Singh, Director (Personnel) of THDCIL.Hon’ble Vice President of India, Jagdeep Dhankhar while addressing the representatives of various CPSEs and Govt. of India officials said that Public Sector is the Spine of Indian Economy. The nation is greatly benefited by the #Public Sector Enterprises. Underscoring the pivotal role of HR practices Vishnoi attributed the prestigious SCOPE Meritorious Award to THDC India Limited's unwavering dedication and unparalleled excellence in world-class HR practices.
गृह रक्षा 11वीं वाहिनी सोलन के निरर्थक घोषित भंडार की नीलामी 02 फरवरी को प्रात: 11 बजे दमकल केंद्र सोलन में की जाएगी। यह जानकारी आज यहां गृह रक्षा 11वीं वाहिनी सोलन के आदेशक संतोष कुमार शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि नीलाम की जाने वाली वस्तुओं का क्रय मूल्य 788555.53 रुपए है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बोलीदाता को बोली आरंभ होने से पूर्व अग्रिम राशि के रूप में 3 हजार रुपए की राशि जमा करवानी होगी। बोली समाप्त होने के उपरांत यह राशि प्रत्येक बोलीदाता को वापिस कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि उच्च बोलीदाता को बोली की समाप्ति पर राशि मौके पर जमा करवानी होगी और नीलाम हुई भण्डार वस्तुएं उसी दिन सांय 5 बजे से पूर्व उठानी होंगी। उन्होंने कहा कि आदेशक को बिना कारण बताए नीलामी को रद्द करने का अधिकार है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए कार्यालय के दूरभाष नंबर 01792-223845 पर संपर्क किया जा सकता है।
** एचआरटीसी के निदेशक मंडल की 155वीं बैठक में बोले उप मुख्यमंत्री ** प्रथम दर्शन सेवा की इंफार्मेशन बुकलेट का किया विमोचन उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) प्राथमिकता के आधार पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। उप मुख्यमंत्री आज यहां एचआरटीसी के निदेशक मंडल की 155वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। निदेशक मंडल ने निगम द्वारा किये जा रहे कार्यों की सराहना की और विश्वास जताया कि आने वाले समय में सभी के सहयोग से लोगों को और बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। बैठक में उप-मुख्यमंत्री ने सेंट्रलाइज्ड इन्वेंटरी मैनेजमेंट सिस्टम का औपचारिक तौर पर शुभारम्भ किया, जिसके तहत मुख्य कार्यालय और खंड स्तर पर प्रतिदिन के आधार पर इन्वेंट्री की प्रभावी निगरानी और नियंत्रण किया जा सकेगा। इस प्रणाली के तहत जिस यूनिट में स्पेयर पार्ट्स की जरूरत होगी, वह अन्य यूनिट से ऑनलाइन मांग कर सकेंगे, जिससे स्थानीय खरीद बंद होगी और पैसे की भी बचत होगी। यह प्रणाली डिविजनल वर्कशाप तारा देवी और जसूर तथा क्षेत्रीय कार्यशाला शिमला लोकल, ऊना और धर्मशाला में ट्रायल आधार पर चल रही है। बैठक में बताया गया कि निगम में एकीकृत टिकट प्रबंधन प्रणाली (इंटीग्रेटेड टिकटिंग मैनेजमेंट सिस्टम) विकसित की जा रही है जिसके तहत यात्री बसों में डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई, क्यूआर कोड और एनसीएमसी (नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड) कार्ड से भुगतान कर सकेंगे और यह सुविधा देने वाला हिमाचल प्रदेश पहला राज्य होगा। उप मुख्यमंत्री ने प्रथम दर्शन सेवा की इंफार्मेशन बुकलेट का विमोचन भी किया और निगम को प्रथम दर्शन सेवा के तहत चलाई जा रही बसों की पुन: ब्रांडिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में चालक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया से संबंधित चर्चा भी की गई। इसके अतिरिक्त, छात्रों और अन्य लोगों को ऑनलाइन बस पास की सुविधा जल्द मुहैया करवाने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि निगम ने हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड को शिमला लोकल और हमीरपुर/नादौन में 11 स्थानों पर इलेक्ट्रिकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए 11 करोड़ 43 लाख रुपये की राशि जारी की है। यह चार्जिंग स्टेशन शिमला में शिमला लोकल वर्कशाप, आईएसबीटी टूटीकंडी के समीप, तारादेवी वर्कशाप, ठियोग बस स्टैंड, अर्की और जुन्गा में स्थापित किये जायेंगे। इसी प्रकार, हमीरपुर/नादौन में यह चार्जिंग स्टेशन हमीरपुर वर्कशाप, हमीरपुर बस स्टैंड, जाहू बस स्टैंड, नादौन बस स्टैंड और नए इलेक्ट्रिक डिपो नादौन में स्थापित किये जायेंगे। बैठक में जानकारी दी गई की राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के सरकार के निर्णय के तहत डीजल से चलने वाली बसों को इलेक्ट्रिक बसों से बदला जा रहा है। इसी दिशा में निगम द्वारा आगामी 4 वर्षों में 1932 इलेक्ट्रिक बसों की खरीद का प्रस्ताव है, जिसमें वर्ष 2024-25 में टाइप-1 की 297 और टाइप-3 की 30 बसों की खरीद प्रस्तावित है। उप-मुख्यमंत्री ने इस वित्तीय वर्ष में खरीदी जाने वाली बसों के लिए वित्त विभाग से अनुमति लेने और ग्लोबल टेंडर के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ वार्षिक आधार पर बसें खरीदने के निर्देश दिए।
**प्रदेश को 21 करोड़ रुपये प्रतिमाह राजस्व का अनुमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां जिला ऊना के जीतपुर बेहरी में स्थापित किए जाने वाले इथेनॉल प्लांट के निर्माण कार्य पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्लांट का निर्माण एचपीसीएल तथा प्रदेश सरकार द्वारा 50:50 प्रतिशत हिस्सेदारी में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस हिस्सेदारी में प्रदेश सरकार द्वारा प्लांट निर्माण के लिए दी जा रही भूमि की लागत भी शामिल होगी। उन्होंने कहा कि इस प्लांट के निर्माण से प्रति माह 21 करोड़ रूपये का राजस्व अर्जित होने और प्रतिदिन 1.5 लाख लीटर इथेनॉल उत्पादन का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इस प्लांट का निर्माण कार्य लगभग 2 वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 31 मार्च, 2026 तक राज्य को हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके दृष्टिगत विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम लागू किए जा रहे हैं। इस इथेनॉल प्लांट के स्थापित होने से प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। यह उद्योग क्षेत्र में लोगों विशेषकर किसानों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने में दूरगामी भूमिका निभाएगा।
** कार्यक्रम की तैयारी को लेकर उप मंडल स्तरीय बैठक आयोजित ** अतिरिक्त उपायुक्त भरमौर नवीन तंवर ने की अध्यक्षता ** कार्यक्रम के दौरान मेगा चिकित्सा जांच शिविर भी लगाया जाएगा अतिरिक्त उपायुक्त भरमौर नवीन तंवर की अध्यक्षता में आज विधानसभा क्षेत्र भरमौर के तहत भरमौर हेलीपैड में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की तैयारी को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 'सरकार गांव के द्वारÓ कार्यक्रम की कड़ी मे 22 जनवरी को भरमौर हेलीपैड में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने उपमंडल स्तरीय अधिकारियों को तय सीमा के भीतर आवश्यक प्रबंधों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रदर्शनी में सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग मैगा चिकित्सा शिविर आयोजित करेंगे जिनमें मरीजों के नि:शुल्क टेस्ट होंगे तथा उन्हें मुफ्त दवाइयां भी वितरित की जाएगी।
पीएम मोदी ने देशवासियों से देशभर के मंदिरों में सफाई अभियान चलाने का आह्वान किया है। अभियान 14 जनवरी से आगामी 22 जनवरी तक चलेगा। इसी कड़ी में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के पंचरुखी के भाजपा कार्यकर्ताओं के द्वारा साथ मिलकर माता गुहेश्वरी टटैहल मंदिर परिसर और आसपास की साफ-सफाई की। घनश्याम शर्मा के कहा की अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व पूरा देश राममय हो चला है। हमारे धार्मिक स्थल स्वच्छ हों, सुंदर दिखें इस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभियान का आह्वान बहुत ही अभिनंदनीय है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 14 से 22 जनवरी तक अपने-अपने क्षेत्र में मंदिरों की सफाई करने का आह्वान किया था। इसी कड़ी में माता गुहेश्वरी मंदिर टटैहल में अभियान चलाया गया। घनश्याम शर्मा ने प्रदेश की जनता से भी आग्रह किया कि वह भी बढ़-चढ़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस आह्वान का हिस्सा बने और अपने आसपास के मंदिरों में स्वच्छता के कार्यक्रम करें। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य घनश्याम शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष मनीषा शर्मा, बीडीसी सुलक्षणा, महामंत्री सुमन ठाकुर एवं गांव की मातृशक्ति, गांव के सभी वरिष्ठ लोग देशराज, बछियार सिंह, मस्तराम, पुरुषोत्तम, उत्तम चंद, रमेश सायल, अशोक कुमार, रणजीत सिंह, कुलदीप, राजकुमार,पंजाब सिंह, कुलदीप चंद, रोशन लाल, रविंद्र सियाल, जनित सिंह, गोपाल लोहिया, राकेश वनवाल, कुलदीप, मेहर सिंह, राजेश कुमार मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा एवं सह मीडिया प्रभारी कंवर प्यार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार पिछले 13 महीने में युवाओं से किए गए 1 लाख सरकारी नौकरी व 5 लाख रोजगार देने की गांरटी को पूरा करने में पूरी तरह से विफल हुई है। इसके विपरीत पिछले वर्ष के अंतराल में 10 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरी छीन ली है। प्रदेश के मुख्यमंत्री सुक्खू, कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह व उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने चुनाव से पहले पूरे प्रदेश में घूम-घूमकर 1 लाख सरकारी नौकरी, 5 लाख रोजगार देने, 18 से 60 वर्ष की 22 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने व 20 लाख बिजली उपभोक्ताओं को 300 यूनिट बिजली मुफ्त प्रदान करने की गांरटी दी थी। जिसका प्रदेश की जनता इंतजार करते-करते थक गई है। इस सरकार ने युवाओं, महिलाओं व किसानों को कभी न भूलने वाला धोखा दिया हैं। वर्तमान में प्रदेश की जनता स्वंय को पूरी तरह से ठगा हुआ महसूस कर रही है। 1 लाख पक्की नौकरी देना तो दूर जिन भर्तीयों पर अदालत का फैसला आ गया हैं और कोई जांच नहीं चल रही है, उनके परिणाम घोषित करने में भी सरकार नाकाम रही है। प्रदेश के 12 लाख से ज्यादा बेरोजगारों को इस सरकार से निराशा के सिवाय कुछ नहीं मिला है। कर्ज का रोना, रोने वाली यह सरकार अपनी सुविधाओं पर खुला खर्च कर रही है। पिछले 13 महीने में सरकार ने 13 हजार रुपये का रिकार्ड कर्ज लेकर भी जनता को सुविधाएं देने के बजाय छीनने का काम किया है। हिमाचल प्रदेश वर्तमान समय में बेरोजगारी दर में देश में सबसे आगे निकल गया है। प्रदेश सरकार ने रोजगार देने वाला संस्थान बन्द कर दिया। 13 महीने में एक भी सरकारी नौकरी नहीं दी। प्रदेश सरकार ने एक भी डॉक्टर, एक भी इंजीनियर, न ही कलर्क और न ही अध्यापक की नियुक्ति की। अब प्रदेश सरकार ने गेस्ट टीचर भरने की घोषणा करके पढ़े-लिखे नौजवानों के मुह पर तमाचा मारा है। प्रदेश सरकार आपसी लड़ाई में मस्त है और जनता त्रस्त है। संगठन और सरकार में रस्सा-कस्सी चल रही है, जिसका नुकसान प्रदेश की जनता भुगत रही है। पढ़े-लिखे नौजवानों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार करते हुए, उनका शोषण करने वाले व भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले फैसले कर रही है। पूरी सरकार विरोधाभासी फैसलों से आम जनमानस में असमंजस की स्थिति बनाने का काम कर रही है। प्रदेश की जनता ने केन्द्र में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को तीसरी बार सत्ता में लाने का मन बना लिया है। आने वाले चुनाव में जनता प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उनके झूठे वादों व जनविरोधी फैसलों के लिए भरपूर जवाब देगी। प्रदेश की जनता चारों सीटों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को रिकॉर्ड मतों से जिता कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को आइना दिखाने का काम करेगी।
गायत्री पब्लिक स्कूल चमेहडू के बच्चों ने प्रधानाचार्य वंदना सिंह व स्कूल के स्टाफ के साथ पुलिस थाना लंबागांव का भ्रमण किया। ट्रैफिक पुलिस के इंचार्ज देश राज ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों को स्वयं भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए तथा अन्य व्यक्तियों को भी नियमों के बारे में अवगत करवाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को रोड सेफ्टी, साइबर ठगी, नशा व यातायात नियमों की संपूर्ण जानकारी दी । इस अवसर पर देश राज डोगरा के साथ थाना प्रभारी प्रेम पाल शर्मा स्कूल के प्रधानाचार्य वंदना सिंह के साथ अन्य अध्यापक भी मौजूद रहे।
श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अयोध्या से सीधे प्रसारण के लिए दोदूं ब्रह्मणा राजपूतां में सभी गांववासीयों में विशेष उत्साह और उल्लास का वातावरण बना हुआ है। जाति धर्म पंथ और राजनीति से ऊपर उठकर सभी ने निर्णय लिया है, कि 22 जनवरी को श्री राधा कृष्ण मंदिर (बेज) में एक बड़ी सक्रीन लगाकर श्री राम नाम संकीर्तन के साथ प्राण प्रतिष्ठा का कार्यकम देखा जायेगा। वरिष्ठ नागरिक समाजसेवी विनोद शर्मा ने एक भेंट में बताया कि अक्षत वितरण के माध्यम से सभी को कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
पूर्व उद्योग मंत्री तथा जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक बिक्रम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से डि-नोटिफाई किए गए संस्थानों को खोलने की मांग करते हुए कहा है कि यदि मुख्यमंत्री बंद किये गये संस्थानों को पुन: खोलने तथा विभागों में एक ठेका लेने के लिए 10 प्रतिशत कमीशन लेने के मामले की जांच करवाएं तो उनका जसवां परागपुर में हार्दिक स्वागत है। भाजपा नेता ने कांग्रेस के नेताओं पर स्कूलों के प्रधानाचार्यों तथा मुख्याध्यापकों पर वार्षिकोत्सव कार्यक्रमों में बुलाने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्कूल के बच्चों से पैसे एकत्रित कर कांग्रेस नेता से 11 हजार रुपये देने की झूठी घोषणाएं करवाई जा रही हैं। उन्होंने जसवां परागपुर में पनप रहे भ्रष्टाचार और आम जनमानस को परेशान बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इन सब बातों का जवाब अपने दौरे के दौरान देना होगा। जसवां परागपुर में 2 एसडीएम तथा 1 बीडीओ ऑफिस को बंद करने का आरोप लगाते हुए बिक्रम ठाकुर ने टूरिज्म प्रोजेक्ट का स्वागत करते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री इस क्षेत्र को टूरिज्म प्रोजेक्ट देकर जाते हैं तो यह स्वागत योग्य कदम है लेकिन बंद किए गए दफ्तरों को खोलने से आम जनमानस को बड़ी सुविधा मिलेगी। राज्य स्तरीय लोहड़ी मेले पर पूछे गए सवाल के जवाब में भाजपा नेता ने इसे गांव के मेले से भी छोटा करने का आरोप सरकार पर लगाते हुए कहा कि इस क्षेत्र के लोग भाजपा सरकार के कार्यकाल में आयोजित हुए 5 लोहड़ी मेलों को याद कर रहे हैं, जिस दौरान जसवां प्रागपुर इलाके के लोगों ने लोहडी मेले का पूरा लुत्फ उठाया। लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह से एक विभाग वापिस लेने तथा उनके द्वारा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में यू टर्न लेने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में विक्रम ठाकुर ने कहा कि विक्रमादित्य सिंह को शुरू से ही दरकिनार करने की कोशिश हो रही है और एक विभाग वापस लेना इसी का हिस्सा है। प्रभु राम के दर्शन करने के लिए कांग्रेस के नेताओं को अपने राष्ट्रीय नेताओं से अनुमति लेनी पड़ रही है क्योंकि वे अपने आप को भगवान राम से भी ऊपर मानते हैं।
** विधायक ने जौड़े अंब कूल के मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार ** अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को विकास कार्यों के प्राक्कलन तैयार करने के लिए कहा बड़सर के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा है कि प्रदेश सरकार ने पिछले एक वर्ष के दौरान कई कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं और आने वाले नए बजट में भी सरकार कई बड़ी परियोजनाओं पर कार्य करेगी। वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जौड़े अंब के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए इंद्र दत्त लखनपाल ने बताया कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र में नई परियोजनाओं के प्राक्कलन तैयार किए जा रहे हैं और आगामी बजट में इन परियोजनाओं के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री के साथ होने वाली बैठक में व्यापक चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्कूल के मेधावी बच्चों को पुरस्कार भी वितरित किए। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के प्राक्कलन तैयार करें, ताकि नए बजट में इन कार्यों के लिए धनराशि का प्रावधान किया जा सके। लखनपाल ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रदेश सरकार ने 'सरकार गांव के द्वारÓ कार्यक्रम आरंभ किया है। इसी अभियान के तहत मुख्यमंत्री बड़सर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
** जीर्णोद्धार का काम शुरू, चारदीवारी को दिया जा रहा नया रूप ** गमरू ग्रांउड का काम भी तेज, हाई मास्ट लाइट भी लग रही ** कोतवाली के फव्वारा चौक का 15 लाख रुपये से होगा श्रृंगार कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने धर्मशाला शहर में धार्मिक पर्यटन को नए पंख लगाने वाले प्रोजेक्ट का काम शुरू कर दिया है। कचहरी बाजार में स्थापित ऐतिहासिक हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार का काम शुरू हो गया है। धर्मशाला में जारी बयान में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व धर्मशाला से विधायक सुधीर शर्मा ने कहा है कि इस काम को तय समय पर पूरा किया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि कचहरी के हनुमान मंदिर में लाखों भक्तों की आस्था से है। देश-विदेश के सैलानी धर्मशाला आकर यहां शीश नवाते हैं। जिला मुख्यालय में होने के कारण यह एक तरह से धर्मशाला शहर को प्रदर्शित करता है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्होंने एक सपना संजोया था कि इस मंदिर को नया लुक दिया जाए, जिसपर अब उन्होंने काम शुरू करवाया है। इसके तहत मंदिर को लाल पत्थर से सजाया जाएगा। चारदिवारी के अलावा मंदिर की परिक्रमा को आकर्षक बनाया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि लाल और केसरिया रंग बजरंगबली के प्रिय हैं। यही कारण है कि भगवान हनुमान जी के रंगों में इस मंदिर को रंगा जा रहा है। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा ने कहा कि इससे मंदिर धार्मिक पर्यटन का नया अध्याय लिखेगा। उन्होंने अधिकारियों के निर्देश दिए हैं कि वे तय समय में इस काम को पूरा करवाएं। इसमें किसी तरह का धीमापन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोतवाली बाज़ार स्थित फव्वारा चौक के नवनिर्माण हेतु विधायक निधि से 15 लाख की धनराशि दी गई है । शीघ्र ही फव्वारा चौक नये स्वरूप में नजर आएगा। जनता की मांग पर इस काम को शुरू करवाया जा रहा है। कोतवाली बाजार स्मार्ट सिटी धर्मशाला का एक और प्रमुख स्थान है। यही कारण है कि इसे संवारा जा रहा है। सुधीर शर्मा ने आगे कहा कि धर्मशाला शहर के ऊपरी हिस्से में स्थित गमरू ग्राउंड का काम जोरों से चला है । इससे शहर को एक भव्य मैदान मिलेगा। वहां पर हाई मास्ट लाइट भी लगाई जा रही हैं। यहां पर हर वर्ष होने वाली रामलीला भी अब सुचारू ढंग से करवाई जा सकेगी। लोगों से इस बारे में किया वादा उन्होंने पूरा कर दिया है। सुधीर शर्मा ने कहा कि हिमानी चामुंडा की सोलर लाइटों को पुन: ठीक करने के लिए भी उन्होंने धनराशि स्वीकृत कर दी है। उन्होंने कहा कि लोगों की आस्था के साथ वह खिलवाड़ नहीं होने देंगे। इस बारे में उचित कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। सुधीर शर्मा ने कहा कि वह विकास विरोधी ताकतों के आगे झुकने वाले नहीं हैं। धर्मशाला में बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा, एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम, शहीद स्मारक, शिक्षा बोर्ड, जिला मुख्यालय आदि प्रमुख पहचान हैं। इसके अलावा कृषि, बागबानी, पशुपालन, एक्साइज, इंडस्ट्रीज, दर्जनों बैंक, अस्पताल के अलावा पर्यटन निगम के व प्राइवेट होटल हैं। इनमें रोजाना हजारों की संख्या में लोग आते हैं। इन लोगों में हाई एंड टूरिस्ट भी शामिल रहते हैं। धर्मशाला को पर्यटन का बड़ा केंद्र बनाने के लिए प्रयास जारी हैं। त्रियूंड समेत बाकी ट्रैकिंग रूटों की फीस आधा सुधीर शर्मा ने कहा कि त्रियूंड समेत धर्मशाला के बाकी ट्रैकिंग और कैंपिंग रूटों पर फीस को आधा कर दिया गया है। इस बारे में अधिकारियों से हुई मीटिंग के बाद फैसला लिया गया है। इन रूटों में आवश्यक सुधार लाने पर भी फैसला हुआ है। उन्होंने कहा कि जो लोग जातर लेकर धार्मिक स्थलों को जाते हैं, उन्हें स्थानीय डीएफओ को पूर्व जानकारी देकर नि:शुल्क जाने की सुविधा होगी। स्कूलों के बच्चों के ग्रुप भी पूर्व सूचना देकर नि:शुल्क जाएंगे। टूरिस्ट सीजन तक त्रियुंड में पीने के पानी और शौचालयों की व्यवस्था की जाएगी। सुधीर शर्मा ने कहा कि पंजीकरण की प्रक्रिया को मजबूती से अपनाना सुरक्षा में मदद करेगा, और यह हादसों को रोकने के लिए आवश्यक है। इस सारी मुहिम से कैंपिंग का आनंद लेने वालों में नई रुचि पैदा होगी।
** उद्योग मंत्री ने शिलाई स्कूल के वार्षिक समारोह में की शिरकत उद्योग एवं संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अपने शिलाई विधानसभा क्षेत्र प्रवास कार्यक्रम के तीसरे दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्कूल शिक्षा का मंदिर होते हैं। हमें स्कूलों में भी मंदिर की तरह आचरण तथा साफ-सफाई का पूर्ण ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे स्कूलों में पढ़ने के साथ-साथ अपना व्यक्तित्व का निर्माण भी करते हैं, जो भविष्य में समाज के लिए उनकी साझेदारी दर्शाता है। उद्योग मंत्री ने कहा कि बच्चों को आज उनके पाठ्यक्रम की किताबों के साथ साथ अन्य जानकारी भी हासिल करना ज़रूरी है बच्चों को अन्य किताबें तथा अख़बार पढ़ने का शौक़ डालना चाहिए। उन्हें पढ़ाई के साथ साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी भाग लेना चाहिए उन्होंने कहा कि आज हमारे क्षेत्र के कई बच्चों ने खेल में अपना तथा क्षेत्र नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों को हर क्षेत्र में आगे आना चाहिए ताकि उनके व्यक्तित्व का पूर्ण निर्माण हो सके। उन्होंने कहा एक दिन की मेहनत से नहीं बल्कि कड़ी मेहनत से लोग जीवन में कामयाब होते हैं। हर्षवर्धन चौहान ने युवाओं का आह्वान किया कि यदि उन्हें जीवन में आगे बढ़ना है तो अपने आप को नशे की बुराई से दूर रखना होगा। उन्होंने कहा कि नशे के सेवन से न केवल शारीरिक व मानसिक बल्कि व्यक्तित्व का भी पतन होता है। उन्होंने कहा समझ में नैतिक मूल्य का होना बहुत जरूरी है और इसके लिए युवाओं को अपने गुरुओं का तथा बड़े बुजुर्गों का आदर सत्कार करने की भावना को अपने आप में जागृत करने की जरूरत है। उन्होंने अध्यापकों तथा अभिभावकों से भी बच्चों में अच्छे गुणों का संचार करने की अपील की। उद्योग मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान श्रीनिवास रामानुजन छात्र डिजिटल योजना के तहत बच्चों को 101 टैबलेट भी प्रदान किये। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई के खेल मैदान में टाइलें लगाने तथा एक अतिरिक्त हॉल बनाने की घोषणा की।
** मंत्री बोले, जयसिंहपुर के लोगों के हितों की रक्षा और विकास मेरी जिम्मेदारी ** धार के कांगड़ी में 33 केवीए सब स्टेशन और टंबरू में बनेगा जल शक्ति का विश्राम गृह ** अगले सत्र से मझेड़ा स्कूल में शुरू हो जाएंगी साइंस कक्षाएं आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा को आज धार क्षेत्र के तिनबड़ में हिमाचल प्रदेश कोली समाज की कांगड़ा इकाई ने चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। मझेड़ा जोन के कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा लोगों ने भी मंत्री का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। वहीं, मंत्री ने कोली समाज, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और इलाके के लोगों का भव्य सम्मान के लिये आभार प्रकट किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के हितों की रक्षा और इलाके का विकास उनकी जिम्मेदारी है। धार क्षेत्र में बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति के लोग रहते हैं। इस क्षेत्र में बिजली के सुधार पर लगभग 40 लाख रुपये व्यय किये गए हैं और आने वाले समय में कांगड़ी में 33केवीए सब स्टेशन स्थापित किया जायेगा। वहीं, अगले सत्र से मझेड़ा स्कूल में साइंस कक्षाओं को शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टम्बरु में जल शक्ति विभाग का रेस्ट हाउस निर्मित किया जायेगा। गोमा ने तिनबड़ चौक में सोलर हाई मास्ट लाइट लगाने की घोषणा भी की। 30-30 लाख से बनेगा पंचरुखी और सलियाणा में कलामंच आयुष, युवा सेवायें एवं खेल मंत्री ने पंचरुखी में 30-30 लाख से निर्मित होने वाले पंचरुखी कला मंच और सलियाणा कला मंच के कार्य का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि दोनों कला मंच दो माह में बनकर तैयार होंगे। वहीं, मंत्री के पिता व पूर्व विधायक डॉ. मिलखी राम गोमा ने कहा कि राजगीर क्षेत्र के लोगों ने उन्हें भी बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया। उन्होंने ने भी कई वर्षों तक इस क्षेत्र का नेतृत्व कर विकास को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर के लिये यह अब सुनहरा अवसर है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने यादविंदर गोमा को मंत्रीमण्डल में स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मंत्री जयसिंहपुर विधानसभा में विकास को ओर तीव्र गति से आगे बढ़ाएंगे।
युवा कांग्रेस सोलन की जिला स्तरीय बैठक 19 जनवरी यानी कल 11 बजे कांग्रेस भवन सोलन में आयोजित होगी। जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष अमित ठाकुर ने कहा कि इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी, हिमाचल के सह प्रभारी योगेश हांडा, लोकसभा शिमला और मंडी के प्रभारी अविनाश मेहता और शिमला लोकसभा के को-ऑर्डिनेटर एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इनके अलावा पांचों विधानसभा के अध्यक्ष एवं जिला और विधानसभा के कार्यकारिणी के सदस्य भी उपस्थित रहेंगेे। इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आज एआरटीओ सतीश कुमार कटोच ने प्रदूषण जांच केंद्र डमटाल व भारद्वाज प्रदूषण जांच केंद्र शेखूपुर में सड़क सुरक्षा के बारे जागरुकता फैलाई और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने को कहा। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करके हम स्वयं की और दूसरों की जान बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेल्मेट का प्रयोग करना चाहिए। कभी भी शराब पीकर गाड़ी नहीं चलानी चाहिए, हमेशा ट्रैफिक नियमों का पालन करें तथा अपने स्वजन से पालन करवाएं क्योंकि अधिकतर मार्ग दुर्घटनाएं यातायात नियम का पालन न करने के चलते होती हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सद्भावनापूर्वक स्वेच्छा से और किसी इनाम या मुआवजे की आशा किया बगैर दुर्घटना स्थल पर किसी पीड़ित व्यक्ति को आपातकालीन चिकित्सा सहायता या गैर चिकित्सीय देखरेख सहायता उपलब्ध करवाता है या ऐसे पीड़ित व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाता है वही नेक व्यक्ति कहलाता है।
**कृषि मंत्री चंद्र कुमार करेंगे 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों की विभिन्न समस्याओं के घर-द्वार के नजदीक त्वरित समाधान के लिए प्रदेश सरकार द्वारा 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इंदौरा उप मंडल में इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम का आयोजन 19 जनवरी को सूरजपुर पंचायत के मुमताज पैलेस में किया जाएगा। यह जानकारी एसडीएम इंदौरा सुरेेंद्र ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार करेंगे तथा लोगों की समस्याएं सुनेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के प्रबंधों के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की विभिन्न नीतियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि इस उपलक्ष्य पर लोगों के लिए फ्री मेडिकल चेकअप कैंप का भी आयोजन किया गया है, जिसमें लोगों को फ्री टेस्ट व फ्री दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। हर प्रकार के प्रमाण पत्र जैसे हिमाचली बोनाफाइड अन्य प्रमाण पत्र भी मौके पर बनाए जाएंगे। इसके अलावा सरकार के विभिन्न विभागों की स्कीमों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
मुख्यमंत्री एवं हिमाचल प्रदेश बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार सायं ओक ओवर, शिमला में शिशु गृह टूटी कंडी शिमला में पल रही अनाथ बेटी 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट' ज्योति (काल्पनिक नाम) का उसके भावी माता-पिता को दत्तक ग्रहण करवाया। उन्होंने ज्योति के भावी माता-पिता को बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज के समृद्ध लोगों से अपील की कि वे शिशु गृह व आश्रमों में पल रहे अनाथ किशोर बच्चों को अपनाने (दत्तक ग्रहण) के लिए आगे आएं ताकि इन बच्चों का सुखद व उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर व गरीब वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश सरकार ने अनाथ व असहाय वर्गों के दर्द को समझा और मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना आरंभ की है। प्रदेश के 4000 अनाथ बच्चों की अब प्रदेश सरकार ही माता, सरकार ही पिता है और इन्हें 'चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट' के रूप में अपनाया है। अनाथ बच्चों व बेसहारा वर्गों के लिए कानून के तहत योजना बनाने वाला हिमाचल देश का पहला राज्य बना है। इन्हें अब तक लगभग 18 करोड रुपए के लाभ दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष प्रदेश सरकार के इन प्रयासों की दिशा में एक और सार्थक पहल है। इसमें प्रदेशवासियों से बहुमूल्य योगदान मिला है, मंत्रिमंडल के सहयोगियों और विधायकों ने भी अंशदान किया है। अनाथ बच्चों के रहन-सहन, शिक्षा से लेकर उनके भविष्य को सुरक्षित करने में यह कोष सहायक बना है । इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, निदेशक महिला एवं बाल विकास रूपाली ठाकुर तथा हिमाचल प्रदेश बाल कल्याण परिषद के महासचिव मोहन दत्त शर्मा उपस्थित थे।
** भाजपा मंडल किसान मोर्चा की बैठक में बोले मोर्चा के जिला अध्यक्ष ** कहा, 22 जनवरी को अपने-अपने घरों में दिवाली की तरह दीये जलाएं भाजपा मंडल किसान मोर्चा की बैठक बड़सर मंडल अध्यक्ष यशवीर पटियाल की अध्यक्षता में कालका माता मंदिर बड़सर में हुई। इस बैठक में बड़सर के पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिल काकू, किसान मोर्चा जिला के दोनों महामंत्री संजीवन पटियाल एवं दिनेश ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे। किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिल काकू ने किसान मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों के बारे में मोर्चा के पदाधिकारियों और सदस्यों से चर्चा की तथा हर गांव से 10-10 किसान प्रहरी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा भगवान श्री राम 500 वर्षों के बाद 22 जनवरी को अयोध्या में बने भव्य मंदिर में विराजमान होने जा रहे हैं। इस उपलक्ष्य पर प्रधानमंत्री के आह्वान पर किसान मोर्चा बड़सर ने कालका माता मंदिर में सफाई की तथा सभी से अपील की कि 22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में दिवाली की तरह दीये और पटाखे जलाकर मनाएं।
कहा, जल्द मांगें नहीं मानी तो राज्य प्रतिनिधियों के अनुसार आगामी तैयार की जाएगी रणनीति प्रदेश सरकार के खिलाफ डॉक्टरों ने भी अपनी मांग पूरी न होने पर आज से प्रदेश भर में रोष प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसको लेकर आज जोनल अस्पताल धर्मशाला में डॉक्टर्स ने काले बिल्ले लगाकर सेवा देना शुरू कर दिया है। इस मौके पर डॉक्टर उदित चौधरी ने बताया कि उनकी प्रदेश सरकार से मुख्य पांच मांगे हैं, जिसको लेकर कई बार प्रर्दशन किया जा चुका है, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला है। उसी को लेकर आज प्रदेश भर के सरकारी अस्पतालो में डॉक्टर काले बिल्ले लगाकर सेवा दे रहे हैं, इसमें मुख्य मांग एनपीए को बहाल करना है। इसके साथ ही 4-9-14 की बहाली तथा सीएमओ, बीएमओ के लिए डॉक्टर्स की पदोन्नति है। इसके अलावा भी कई अन्य मांगे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गई तो राज्य प्रतिनिधियों के अनुसार आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।
उपमंडल भरमौर के लाहल बाजार में पेश आया हादसा उपमंडल भरमौर के लाहल बाजार में बुधवार देर शाम दो मंजिला मकान को अचानक आग लग गई। इस अग्निकांड में एक व्यक्ति जिंदा जल गया तो वहीं एक घायल हो गया। घटना में घायल व्यक्ति को एंबुलेंस के द्वारा नागरिक अस्पताल भरमौर ले जाया गया। आग लगने का मुख्य कारण शॉट सर्किट बताई जा रही है। यह घर दो सगे भाई पुरषोतम पठानिया व उत्तम पठानिया पुत्र देविया राम का है। ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि घर में बाहर से आयी जम्मू कश्मीर की लेवर के आठ लोग किराये के कमरे में रहते थे। जैसे ही घर को आग लगी तो सात लोग तुरंत बाहर निकल गए, मगर एक मजदूर धुएं में घुट जाने के कारण बाहर नहीं निकल पाया। इस व्यक्ति को बचाने के चक्कर में दूसरा व्यक्ति भी घायल हो गया। मृतक की पहचान नजीर मुहम्मद खान (28) पुत्र गुलाम नवी खान निवासी गांव ककोरसा डाकघर चारगाव तहसील तारकपुर जम्मू कश्मीर के रूप में हुई है। आग बुझाने में स्थानीय लोग व अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां जुट गई। इसी दौरान आग ने पास में स्थित एक अन्य भवन को भी अपनी चपेट में ले लिया है। भरमौर के तहसीलदार तेज राम अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे उन्होंने प्रभावित परिवारों को दस-दस हजार रुपये की तुरंत राहत राशि प्रदान की है।
** बोले, अति निर्धन परिवारों को बेहतर सुविधाएं देने पर खर्च होंगे साठ लाख पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रैंक आरएस बाली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर प्रदान किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से युवाओं का पलायन नहीं हो सके और घर द्वार पर ही रोजगार प्राप्त हो सके। बुधवार को पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने नगरोटा आईपीएच विश्राम गृह में ग्रामीण विकास को लेकर अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्टार्ट अप योजना को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की विशेष तौर पर कैरियर कांउसलिंग भी की जाएगी ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा स्टार्ट अप के साथ जुड़कर स्वाबलंबी बन सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के गांव और गरीब का विकास करना मेरा प्रथम कर्तव्य है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव और गरीब के विकास कार्यो में किसी भी तरह की कोताही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा विधानसभा क्षेत्र में बड़े विकास कार्यो के साथ-साथ गांव और गरीबों तक विकास पहुंचाना सबसे महत्वपूर्ण कार्य है ताकि प्रत्येक व्यक्ति तक सभी तरह की मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा सके। उन्होंने कहा कि गांव और गरीब की समस्याओं को जानने के लिए उन्होंने पंचायत संवाद कार्यक्रम शुरू किया है जिसके अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत के ग्रामीणों से मिलकर उनकी प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगरोटा बगबां विस क्षेत्र की पंचायतों में अति निर्धन परिवारों पर 60 लाख की राशि व्यय की जाएगी, ताकि उनको बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
** विधायक केवल सिंह पठानिया ने आउटलुक का किया शुभारंभ कांगड़ा जिल के गग्गल एयरपोर्ट पर अब यात्री हिमाचल के पकवानों का भी आनंद उठा सकेंगे। इस बाबत बुधवार को विधायक केवल सिंह पठानिया ने गग्गल एयरपोर्ट के अंदर आउटलुक का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आउटलुक में हिमाचल के पकवान तथा अन्य पारंपरिक उत्पाद उपलब्ध करवाए जाएंगे इससे हिमाचल के उत्पादों तथा पकवानों को नई पहचान मिलेगी इसके साथ ही विभिन्न स्तरों पर स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को भी बिक्री के प्रदर्शित किया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन मिलेगा। विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि कांगड़ा जिला में अपना कांगड़ा ऐप भी लांच किया गया है, जिसके माध्यम से उत्पादों को नई पहचान दिलाई जा रही है। इस अवसर उप मंडल अधिकारी कांगड़ा इशांत जसवाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी से दरेंद्र सिंह, खंड विकास अधिकारी कंवर सिंह सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता देवदत्त शर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, सीएमओ सुशील शर्मा, प्रदीप बलोरिया, पंचायत समिति सदस्य हितेश चैधरी, वीपुल पटाकू, संजय शर्मा, विवेक राणा आदि अन्य लोग मौजूद रहे।
** मंत्री ने जवाली विस क्षेत्र के पलोहड़ा में की 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम की अध्यक्षता ** कार्यक्रम में 127 जनसमस्याएं हुई प्राप्त, अधिकतर का मौके पर निपटारा ** विभिन्न विकास कार्यों के लिए 24.50 लाख की राशि की स्वीकृत कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में कांग्रेस पार्टी का अहम योगदान रहा है। समाज के सभी वर्गों का कल्याण और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित बनाना कांग्रेस पार्टी का मुख्य लक्ष्य है। ये विचार उन्होंने आज जवाली विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत पलोहड़ा में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। इस मौके पर उपायुक्त कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक पुलिस जिला नुरपुर अशोक रतन विशेष रूप से उपस्थित रहे । चंद्र कुमार ने कहा कि केंद्र की सरकार झूठा प्रचार करके लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है जबकि कांग्रेस पार्टी की सरकार का ध्यान प्रचार के बजाए विकास और सभी वर्गों के उत्थान पर केंद्रित रहता है। जवाली विधानसभा क्षेत्र में भी विकास का श्रेय केवल कांग्रेस सरकार को जाता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के शासनकाल में ही विकास के नए आयाम स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा का पर्याप्त प्रसार हो चुका है और अब प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए कई कदम उठा रही है। कार्यक्रम में 127 समस्याएं प्राप्त हुई जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे के अधिकारियों को निर्देश दिये गए। इन समस्याओं में अधिकतर मामले लोक निर्माण विभाग,जलशक्ति विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग , बिजली विभाग से सम्बंधित थे। विकास कार्यों के लिए 24.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कृषि मंत्री ने लोगों की समस्याओं तथा मांग को पूरा करते हुए बढ़ेला पुल से घाड़ जरोट सड़क से जोड़ने के लिए रास्ते के निर्माण हेतु 5 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। उन्होंने महिला मंडल सरोला व झिकली लुधियाड़ को भवन निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। इसके अतिरिक्त महिला मंडल टियूकरी व कुठेड़ा को डेढ़-डेढ़ लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। उन्होंने चलवाड़ा-एक में पक्के रास्ते के निर्माण के लिए एक लाख रुपए, फेटी रजोल में रास्ते की मरम्मत के लिए एक लाख रुपए, बस्कवाड़ा से भनेई में रास्ते के साथ नालियों के निर्माण के लिए 3 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। उन्होंने मकड़ाहन में नाले पर ढंगा लगाने के लिए डेढ़ लाख रुपये, निचली लुधियाड़ में पशु डिस्पेंसरी के निर्माण हेतु 4 लाख रुपए, भलूं पंचायत में दो रास्तों के निर्माण के लिए एक-एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत की। चिकित्सा शिविर में जांचा गया 420 लोगों का स्वास्थ्य इस मौके पर स्वास्थ्य तथा आयुष विभाग द्वारा लगाए गए चिकित्सा शिविर में 420 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय सोलन द्वारा 20 जनवरी को 25 विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी आज यहां जिला रोजगार अधिकारी संदीप ठाकुर ने दी। उन्होंने कहा कि मैसर्ज वर्मा ज्वेलजर्स सोलन के 16 पद, मैसज चिरोस फार्मा सोलन के 4 पद तथा मैसज़र् सिस्कैम फार्मोक्रेट्स सोलन के 5 पदों की भर्ती के लिए कैंपस इंटरव्यू जिला रोजगार कार्यालय सोलन में 20 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे। संदीप ठाकुर ने कहा कि उक्त पदों के लिए उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता एमबीए (एचआर), एमबीए (फाइनेंस), बीफार्मा, एम.फार्मा, बीएससी उत्तीर्ण तथा आयु 20 से 38 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उक्त पदों की विस्तृत जानकारी के लिए आवेदक विभागीय पोर्टल EEMIs पर लॉगइन कर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के लिए उम्मीदवारों को EEMIs पर candidate Login Tab के माध्यम से पंजीकृत करने के उपरांत अपनी Registration Profile पर अधिसूचित रिक्तियों के लिए अपनी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन कर सकते है। उन्होंने कहा कि आवेदक का नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत होना अनिवार्य है। जिला रोजगार अधिकारी ने कहा कि पात्र उम्मीदवार जिला रोजगार कार्यालय सोलन में 20 जनवरी, 2024 को 10.30 बजे पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार कार्यालय दूरभाष नंबर 01792-227242 तथा मोबाईल नंबर 78768-26291 व 70189-18595 पर सम्पर्क कर सकते हैं।
** कहा, कांग्रेस को बहुत महंगा पड़ेगा भगवान राम लला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का विरोध ** बहुत सौभाग्यशाली और कम लोगों को मिला है निमंत्रण, जिन्हें मिला है उन्हें जाना चाहिए ** बीजेपी और आरएसएस का विरोध अलग है लेकिन भगवान राम का विरोध दुर्भाग्यपूर्ण नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता कुछ भी बोलते हैं। एक तरफ वह अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का विरोध भी कर रहे हैं दूसरी तरफ भगवान श्रीराम की कसम भी खा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने भगवान राम जन्म क्षेत्र मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में नहीं जाने का निर्णय लिया है। कांग्रेस का यह निर्णय करोड़ों राम भक्तों की आस्था और श्रद्धा के विरुद्ध है। कांग्रेस बीजेपी का विरोध करते-करते अब रामचंद्र जी का विरोध करने लगी है यह दुर्भाग्यपूर्ण है। राम का विरोध कांग्रेस को बहुत महंगा पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा या संघ का विरोध कर सकते हैं लेकिन रामचंद्र जी का विरोध सर्वथा अनुचित है। विक्रमादित्य जी को प्राण प्रतिष्ठा में जाना चाहिए। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में जाने का निमंत्रण बहुत सौभाग्यशाली और बहुत कम लोगों को मिला है। यह उनके सौभाग्य की बात है कि उन्हें इस पुण्य अवसर पर साक्षी होने का मौका मिल रहा है। कांग्रेस इस पुण्य कार्य में भी राजनीतिक दृष्टि से निर्णय कर रही है। यह किसी के व्यक्तिगत आस्था और श्रद्धा के प्रति कुठाराघात है। किसी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के महोत्सव में जाने से रोकना अनुचित है। जिनसे विभाग लिए, वो भी नाखुश और जिन्हें दिए वो भी कांग्रेस की अंदरूनी कलह के बारे में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह कांग्रेस का अंदरूनी मामला है, जिस पर वह ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता एक वर्ष बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ तो मुख्यमंत्री सुक्खू ने मंत्रियों से छीनकर दूसरे मंत्रियों को महकमें दे दिए, जबकि खुद की विभागों को अपने पास रखा। जाहिर है जब किसी से महकमा छीना जाता है तो नाराजगी होती है। जिन नए मंत्रियों को विभाग दिए, वे भी प्रसन्न नहीं है, क्योंकि उन्हें लगता है कि इन विभागों का कोई महत्व नहीं है। इस सरकार में कोई भी प्रसन्न नहीं दिखाई देता। न जनता खुश है, न कांग्रेस के नेता और न ही मंत्री।
** बुजुर्ग ज्ञानी देवी ने कहा, सरकार की मदद से मेरा टूटा मकान अब दोबारा बन सकेगा ** सुख आश्रय योजना के लाभार्थी दीपक ने मुख्यमंत्री का किया धन्यवाद हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के तहत गांव गलोड़ में आयोजित 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। कार्यक्रम में स्थानीय निवासी चरण दास ने राज्य सरकार के राजस्व लोक अदालत कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि उनके तकसीम के एक पुराने मामले का निपटारा हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उन लोगों की आवाज बने हैं, जिनकी आज तक कोई आवाज नहीं थी। इस पर ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूछा कि उनका काम ठीक से गया, तो चरण दास ने कहा, सीएम साहब, जहां आप वहां गलत कैसे हो सकता है? वहीं, आपदा प्रभावित बुजुर्ग महिला ज्ञानी देवी ने आपदा राहत राशि के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि राज्य सरकार की मदद से अब मेरा टूटा हुआ मकान दोबारा बन जाएगा। बुजुर्ग महिला ने कहा कि भगवान मुख्यमंत्री को लंबी आयु और अच्छा स्वास्थ्य दे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने सीमित संसाधनों से आपदा प्रभावितों को विशेष राहत पैकेज प्रदान किया है, ताकि उनकी पीड़ा को कम किया जा सके। नियमों को बदल कर राज्य सरकार ने यह राहत पैकेज प्रभावित परिवारों को मुआवजा बढ़ाकर प्रदान किया है। वहीं, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के लाभार्थी दीपक शर्मा ने मुख्यमंत्री का इस योजना के लिए धन्यवाद किया और कहा कि उन्हें हिमाचल प्रशासन सेवाओं (एचएएस) की परीक्षा की कोचिंग के लिए राज्य सरकार की ओर से आर्थिक मदद मिल रही है। साथ ही ४००० रुपए प्रति माह पॉकेट मनी के रूप में अब तक १६ हजार रुपए प्राप्त हुए हैं।
ज्वालामुखी उप मंडल के तहत सपड़ी स्थित केंद्रीयकृत प्रक्षिक्षण केंद्र द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के अंतर्गत कन्या राजकीय विद्यालय ज्वालाजी के विद्यार्थियों के साथ जागरुकता रैली निकाली गई। इस अभियान में एसएसबी कर्मिकों, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। रैली में बताया गया कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना बालिकाओं के लिए एक सरकारी योजना है, जिसे 22 जनवरी 2015 को प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया था। कार्यक्रम का उद्देश्य लड़कियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करना, लैंगिक समानता को मजबूत करना और बालिका-बाल विकास को बढ़ावा देने के बारे में जागरुकता बढ़ाना है।
** सपाहल में मंडल अध्यक्ष पृथ्वी चंद की अध्यक्षता में हुई बैठक ** पीएम के आह्वान पर सपाहल मंदिर में चलाया सफाई अभियान भाजपा मंडल किसान मोर्चा की बैठक सपाहल में मंडल अध्यक्ष पृथ्वी चंद की अध्यक्षता में हुई। इसमें किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष अनिल काकू तथा सुजानपुर मंडल के अध्यक्ष विक्रम राणा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अनिल काकू ने कहा कि बैठक में किसान मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों के बारे में चर्चा की तथा हर गांव से 10-10 किसान प्रहरी बनाने के निर्देश दिए गए। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर किसान मोर्चा सुजानपुर मंडल ने सपाहल मंदिर में सफाई भी की तथा सभी से आह्वान किया कि 22 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर में होने वाले रामलाल के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों में दिवाली की तरह दीपक और पटाखे जलाकर धूमधाम से मनाएं।
** मंत्री ने चगांव में की 'सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सहित जनजातीय जिला किन्नौर के समस्त लोगों को उनके घर-द्वार पर सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं से लाभान्वित करना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर जिला के लोगों को सरल, सुगम व सुव्यवस्थित सुविधाएं प्रदान करने का अतुलनीय उदाहरण है 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने यह बात आज किन्नौर जिला की ग्राम पंचायत चगांव में आयोजित किए गए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कही। राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के महत्वकांक्षी कार्यक्रम 'सरकार गांव के द्वार' के माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न नीतियों व योजनाओं से अवगत करवाना तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ प्रदान करने के मद्देनजर इस कार्यक्रम को पूरे प्रदेश सहित किन्नौर जिला में भी आरंभ किया गया है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जहां लोगों को विभिन्न विभागों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं को प्रदान कर, उन्हें लाभान्वित करना है वहीं उनकी समस्याओं का भी मौके पर समाधान सुनिश्चित कर उन्हें चिंता रहित और बेहतर जीवनचर्या प्रदान करना है। सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने ग्राम पंचायत चगांव व आस-पास के क्षेत्र के लोगों की जनसमस्याएं सुनीं तथा शिकायतों से संबंधित विभाग के अधिकारी को समस्या का समाधान निकालने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्राप्त हुई अन्य मांगों को भी चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उद्यान विभाग द्वारा इस दौरान 48 उद्यान कार्ड बागवानों को प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेगा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 116 लोगों का नि:शुल्क उपचार किया गया तथा नि:शुल्क दवाईयां वितरित की गई। इसी प्रकार आयुष विभाग द्वारा भी नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 74 लोगों का मुफ्त ईलाज कर नि:शुल्क दवाईयां प्रदान की गईं। इस दौरान आधार कैम्प का भी आयोजन तथा आधार संबंधी सभी प्रकार की सुविधाएं लोगों को प्रदान की गई जिसमें 24 आधार कार्ड अपडेट किए गए तथा 1 नया आधार कार्ड बनाया गया। इसके अलावा राजस्व व अन्य विभागों से जारी होने वाले प्रमाण-पत्रों के तहत 9 प्रमाण-पत्र लोगों को जारी किए गए। हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा 6 स्मार्ट/ग्रीन कार्ड बनाए गए तथा आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा 39 लाईसेंस जारी किए गए। इसके अलावा 55 शिकायतों को मुख्यमंत्री संकल्प पोर्टल पर अपलोड किया गया तथा 16 शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। इस दौरान 12 लोगों को ईमारती लकड़ी की टीडी के लिए सत्यापन दिया गया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने इस अवसर पर पौधारोपण भी किया तथा लोगों को पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
** स्वास्थ्य मंत्री ने नौणी में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम में सुनी लोगों की समस्याएं ** कार्यक्रम में 40 शिकायतों का किया गया निपटारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार जन-जन को उनके घर-द्वार के समीप बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए आज से राज्य में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम आरम्भ किया गया है ताकि लोागों की समस्याओं का संतोषजनक समाधान हो सके और उन्हें प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल सके। डॉ. शांडिल आज सोलन ज़िला की ग्राम पंचायत नौणी में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जन समस्याओं का निवारण करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के विशेषकर कमज़ोर वर्गों को लाभान्वित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार्यभार सम्भालने के उपरांत अपने पहले निर्णय से जहां बेसहारा बच्चों के जीवन में आशा की किरण का संचार किया वहीं तदोपरांत त्रासदी के मध्य समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करने के लिए नवीन योजनाएं कार्यान्वित की। कार्यक्रम में कुल 40 शिकायतों का निपटारा सुनिश्चित बनाया गया। इनमें से 22 शिकायतें व एक मांग लिखित तथा 17 शिकायतें मौखिक रूप से प्राप्त हुई। आश्रय योजना के तहत 3 लाभार्थियों को दी प्रथम किस्त डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 3 लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 75-75 हजार रुपए के चेक प्रदान किए। उन्होंने बेटी जन्मोत्सव के तहत 4 बच्चियों को सम्मानित किया और एक कन्या का अन्न प्राशन संस्कार सम्पन्न करवाया। उन्होंने 10वीं तथा 12वीं कक्षा के सोलन विधानसभा क्षेत्र के 66 छात्रों को टैब देकर सम्मानित भी किया। मेगा स्वास्थ्य शिविर का किया शुभारंभ डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित मेगा स्वास्थ्य शिविर का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित प्रदर्शनियों का शुभारंभ किया और कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मेगा स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा रोगियों का उपचार सुनिश्चित बनाया गया और नि:शुल्क सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मेगा स्वास्थ्य शिविर में 142 रोगियों की जांच की गई। 85 आभा आई-डी बनाई गई।
स्कूलों और कॉलेजों में गेस्ट टीसर्च पीरियड आधार पर रखे जाएंगे, ये नियुक्तियां स्थायी नहीं होंगी, लोग इस पॉलिसी को समझ नहीं रहे हैं। यह बात आज मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा हलके के गोईस में पत्रकारों से कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले पॉलिसी को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक घंटे के लिए बच्चों को पढ़ाना है तो टीचर बोलते हैं कि एक घंटे का पैसा कौन देगा। अब उन्हें एक घंटा पढ़ाने के पैसे मिलेंगे। यदि स्कूल में टीचर नहीं होगा तो इस पॉलिसी के आधार पर टीचर रखकर बच्चों की पढ़ाई सुचारू रखी जा सकती है। उन्होंने आज यहां प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कड़दोह (पनयाली) में कपाड़ा पुल का शिलान्यास करने के बाद फाहल में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन की आधारशिला और गांव बुधवीं में उठाऊ पेयजल योजना फाहल-कोटलू का शिलान्यास किया इस मौके मुख्यमंत्री ने सरकारी योजनाओं पर लगाई गई प्रदर्शन का अवलोकन भी किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के द्वारा कार्यक्रम पर की जा रही बयानबाजी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनमंच कार्यक्रम पर लगभग 36 करोड़ व्यय किए थे, जबकि सरकार इन कार्यक्रमों पर कोई भी पैसा नहीं खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की सेवा करने के लिए सत्तासीन हुई है और यह जनता के लिए सेवा मंच ह। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की है।
**शुदारंग से करीब पांच-छह किलोमीटर आगे हुआ हादसा हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में आज एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है। यहां रिकांगपिओ से शिरड़ी संपर्क मार्ग से सांगला की तरफ जा रही एक न्यू बोलेरो कैंपर गहरी खाई में जा गिरी। इससे गाड़ी चालक सहित चार अन्य लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा शुदारंग से करीब पांच-छह किलोमीटर आगे हुआ। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों के सहयोग से शवों को खाई से निकालकर रिकांगपिओ अस्पताल पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे की पुष्टि करते हुए एसपी विवेक चहल ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
कांगड़ा पेंशनर्स संघ ब्लॉक परागपुर की बैठक बुधवार को प्रधान जगजीत सिंह पाल की अध्यक्षता में नंगल चौक में आयोजित की गई। इसमें संघ के पदाधिकारियों सहित लगभग 60 सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की शरुआत मृतक सदस्यों की मृत्यु पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि के साथ किया गया। बैठक में पेंशनरों की पेंशन विसंगतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पेंशनर्स ने अपनी मांगों को लेकर एक प्रस्ताव पारित कर सरकार को प्रेषित किया, जिनमें डीए की किस्त जारी करने बारे, मेडिकल भत्ता 1500 रुपए करने, संशोधित पेंशन का बकाया एकमुश्त देने तथा मेडिकल ऑप्शन के लिए अधिसूचना जारी करने की मांग की गयी। इसके अतिरिक्त सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के केस का निर्धारण करने की मांग भी संघ द्वारा सरकार से की गयी। बैठक में सुरिंद्र सिंह मनकोटिया, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष रत्न चंद कौंडल, गुरदास राम, सुरम सिंह, हरबंस लाल कालिया,बंसी लाल, कुलदीप सपेहिया, मेला राम, दिलबर जीत चंद्र सहित अन्य पेंशनर्स शामिल रहे।
** लोगों को नहीं कानून की परवाह और न ही पुलिस का कोई डर भाजपा के प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि हिमाचल की वर्तमान कांग्रेस सरकार में प्रदेश के अंदर कानून-व्यवस्था चरमरा गई है और लोगों को कानून की कोई परवाह नहीं है और न ही पुलिस का कोई डर है। प्रदेश भर में ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिनसे हिमाचल की देवभूमि वाली छवि खराब हो रही है। हजारों पुलिसकर्मी रिटायर होने के बावजूद कोई नई भर्ती नहीं की गई है नही पुलिस बल को मजबूत करने के लिए गाड़ियां या अन्य साधन उपलब्ध करवाए गए हैं, जिससे पुलिस मुस्तैदी से काम कर सके। घटिया दवा सामग्री बेचने वाले लोग जिनकी अग्रिम जमानत उच्च न्यायालय ने खारिज कर दी है उनको भी पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। ऐसे लोग खुले आम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं । बीते दिनों प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह जिला में एक महिला के साथ हुई घटना ने हिमाचल को राजस्थान जैसे प्रदेश की श्रेणी में लाकर रख दिया है। एक महिला को सरेआम गांव के अंदर मुंह काला करके जिस तरह घुमाया जाता है और पूरे गांव के सामने उसके बाल काट दिए जाते हैं, उसको जलील किया जाता है और वहां का समाज यह सब देखता रहता है जो कि आज के सभी समाज के लिए बहुत गंभीर विषय है। पिछले दिनों चंबा जिला में हुए हत्याकांड के ऊपर भी मुख्यमंत्री या मंत्रियों ने भी पीड़ित परिवार के साथ मिलने का कोई कष्ट नहीं किया और मामला ठंडा पड़ने के बाद विधानसभा अध्यक्ष राहत का चेक लेकर परिवार के पास गए जो चेक प्रशासन द्वारा भी दिया जा सकता था लेकिन समय रहते किसी ने मेरी वहां जाने की जरूरत नहीं समझी जबकि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को वहां जाने से सरकार ने और पुलिस प्रशासन ने रोक दिया। उस मामले को भी पुलिस ने कोई और ही रंग दे दिया और उसे प्रेम प्रसंग में जोड़ दिया जबकि स्थानीय लोगों के अनुसार जो उसमें आरोपी व्यक्ति है उसका चरित्र और हरकतें संदिग्ध थी। गत दिनों मंडी के नेर चौक के मेडिकल कॉलेज में छात्रों के साथ रैगिंग और दुर्व्यवहार का मामला भी प्रशासन द्वारा दबाने का प्रयत्न किया गया और दोषी छात्रों को मात्र निष्कासित किया गया और उनके ऊपर कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की, जिससे सरकार और कॉलेज प्रशासन की मिलीभगत लगती है और दोषी छात्रों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उससे पहले आईआईटी मंडी में भी ऐसा ही मामला रैगिंग का हो चुका है और दोषी छात्रों के ऊपर कोई कानूनी कार्यवाही जो कि रैगिंग एक्ट के अंदर प्रावधान है नहीं की गई। बिलासपुर में सरकारी नर्सिंग कॉलेज की छात्रा ने रैगिंग से तंग आकर फंदा लगाने की कोशिश की। बद्दी बरोटीवाला में आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। सरेआम लूटपाट डकैती की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन सरकार गंभीर नहीं है। ,
** उद्योग मंत्री ने बकरास में 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम का किया शुभारंभ शिलाई विधानसभा के दूरवर्ती गांव बकरास में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों में क्षेत्र के लोगों को सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। मौका था हिमाचल प्रदेश सरकार के एक बहुत ही महत्वकांक्षी कार्यक्रम 'सरकार गांव के द्वार' की बकरास में शुरुआत का, जहां उद्योग व संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चैहान ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग, कृषि, बागवानी, उद्योग, बाल विकास, कल्याण विभाग सहित सभी विभागों ने उनके माध्यम से क्रियान्वित की जा रही सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रचार सामग्री तथा विभिन्न प्रकार के उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनियों में विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना कार्यक्रम की खूबसूरती रही। इसके साथ ही लोगों को कृषि व बागवानी उपकरणों व विभिन्न प्रकार के बीजों व दवाईयां खरीदने तथा इनके बारे में जानने का मौका घर द्वार के समीप ही मिला। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से बड़ी संख्या में आए लोगों को सूचना एवं जन संपर्क विभाग की ओर से प्रदेश सरकार की एक साल की उपलब्धियों पर तथा अन्य जानकारी से भरपूर पुस्तिकाएं व पंफलेट्स वितरित किए गए जिनको पढ़ने व जानकारी हासिल करने में लोगों की काफी दिलचस्पी दिखाई दी।
** मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर गग्गल चौक पर किया प्रदर्शन केंद्रीस सरकार द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट में हिट एंड रन से जुड़े कानून में बदलाव किए जाने के विरोध में ट्रक ड्राइवरों ने आज फिर प्रदर्शन किया। चालकों ने मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर गग्गल चौक पर ट्रक ड्राइवरों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान चालकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ट्रक ड्राइवरों ने अपने-अपने ट्रकों को किनारे खड़ा कर एक्ट को वापस लेने की मांग उठाई। ड्राइवरों के अनुसार हिट एंड रन से जुड़ा कानून उनके हितों के खिलाफ है। प्रदर्शन के दौरान चालकों ने गाड़ियों को रोका और उन्हें अपने गंतव्य की ओ नहीं जाने दिया। कई गाड़ियों को वापस भेज दिया गया।
** मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने आज से लोगों के घर-द्वार जाकर उनकी समस्याएं सुनने व सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए 'सरकार गांव के द्वार' कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार्यक्रम का शुभारंभ गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन के गलोड़ से किया। पूर्व भाजपा सरकार में हिमाचल प्रदेश में जन मंच का आयोजन किया जाता था, जबकि सरकार गांव के द्वारा कार्यक्रम को अब इसका तोड़ माना जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई गईं और निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया है। वहीं, पंडाल में सरकारी विभागों के इन स्टॉल पर कांग्रेस पार्टी के झंडे भी नजर आए। इतना ही नहीं पंडाल में भी पार्टी के झंडे लगाए गए।
** साइबर ठगों ने केवाईसी के नाम पर ओटीपी पूछा ** ओटीपी शेयर करते ही अकाउंट से 6 लाख गायब हिमाचल के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक उद्योग कर्मी से साइबर ठगों ने केवाईसी के नाम छह लाख रुपए ठग लिए। ठगों ने फोन कर पैन कार्ड की केवाईसी के लिए कॉल की और फोन पर आए एक ओटीपी ने खाता खाली कर दिया। पुलिस ने जालसाजी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना बद्दी में स्थानीय दवा उद्योग में कार्यरत आशीष मित्रा ने शिकायत दर्ज करवाई की उसे ऐक्सीस बैंक के नाम से एक फोन आया और फोन करने वाले ने उससे पैन कार्ड की केवाईसी करवाने को कहा। इस दौरान कॉलर ने केवाईसी के लिए जन्मतिथि पूछी उसके बाद उसे एक ओटीपी आया जिसे उसने फोन करने वाले को बतलाया तो उसी समय उसके खाते से पहले 8500 रुपए उसके बाद छह लाख रुपए खाते से निकल गए। पीड़ित जब तक कुछ समझ पाता तब तक उसके खाते से पैसे उड़ चुके थे। अब पीड़ित ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाकर कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी बद्दी प्रियंक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा-420 के तहत जालसाजी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
** बॉलीवुड के कुछ पुराने सुपरहिट गानों का मैशअप है यह गीत ** कैरॉन ने संगीत, प्रिंस हैरी ने निर्देशन, विकास ने किया संपादन हिमाचल प्रदेश के लोकप्रिय गायक एसी भारद्वाज ने अपने जन्मदिन पर नए गाने 'रेट्रो वाइब 2' को यू-ट्यूब पर रिलीज किया है। यह गाना बॉलीवुड के कुछ पुराने सुपरहिट गानों का मैशअप है, जो उनके फैन्स की मांग पर बनाया गया है। इस गाने को कैरॉन ने संगीत दिया है, वहीं प्रिंस हैरी के निर्देशन में इसे फिल्माया गया है, जबकि विकास भारद्वाज ने इसे संपादित किया है। रेमेश राजनु लाइन प्रोड्यूसर हैं और प्रिया गौतम के मैनेजमेंट के अंतर्गत इसे तैयार किया गया है। गाने के बारे में बताते हुए एसी भारद्वाज ने कहा, 'मैं हमेशा अपने प्रशंसकों के साथ कुछ नया करने के लिए उत्सुक रहता हूं। रेट्रो वाइब टू एक खास मौका है, जिसमें हमने पुराने गानों को नए और मॉडर्न ढंग से पेश किया है। मुझे उम्मीद है कि यह गाना मेरे प्रशंसकों को पसंद आएगा।
जिलाधीश कांगड़ा डॉक्टर निपुण जिंदल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कांगड़ा जिला के इंदौर, फतेहपुर, नूरपुर, जवाली, देहरा, ज्वालामुखी व जयसिंहपुर उप मंडल में निजी तथा सरकारी स्कूलों को प्रात: 10 बजे खोलने तथा साढ़े तीन बजे छुट्टी करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने बताया कि कांगड़ा जिला के उपरोक्त उप मंडलों में भारी सर्दी और धुंध के कारण समय में परिवर्तन किया गया है। इस बाबत उप निदेशक शिक्षा तथा संबंधित उप मंडल अधिकारियों एवं सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य को आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
** राज्य में बेहतरीन स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए मिला सम्मान ** मुख्यमंत्री बोले, ग्रामीण अर्थव्यवस्था आधारित नई स्टार्ट-अप नीति लेकर आएगी राज्य सरकार आज भारत मंडपम नई दिल्ली में उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा राज्यों के स्टार्ट-अप रैंकिंग-2022 कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश को श्रेणी-बी (एक करोड़ से कम आबादी वाले राज्य) में सर्वश्रेष्ठ परफोर्मर पुरस्कार प्रदान किया गया। यह पुरस्कार राज्य में बेहतरीन स्टार्ट-अप पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए प्रदान किया गया। प्रदेश का मूल्याकंन 7 सुधार क्षेत्रों और 27 कार्य बिंदुओं पर किया गया। जिनका राज्य में स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य को क्षमता निर्माण में अर्ग्रणी, फंडिग लीडर, सस्टेनेबिलिटी प्रमोटर, इनक्यूबेशन हब, मेंटरशिप चौंपियन, इनोवेटिव लीडर और संस्थागत चैंपियन के रूप में मान्यता दी गई। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उद्योग विभाग और स्टार्टअप टीम की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश न केवल देश बल्कि दुनिया भर में स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में अग्रणी बनने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में औद्योगिकीकरण की गति बढ़ाने के साथ-साथ रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत सभी हितधारकों के लिए इंटरेक्टिव पोर्टल का निर्माण, उच्च शिक्षा संस्थानों में जागरूकता और पहुंच के लिए प्रभावी तंत्र बनाने तथा स्टार्ट-अप को प्रदर्शन एवं विपणन के अवसर प्रदान करने के लिए विभिन्न पहल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्य सरकार नई स्टार्टअप नीति लेकर आएगी जिसमें ग्रामीण आधारित स्टार्टअप और महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप के लिए विशेष प्रावधान होंगे। राज्य सरकार भारतीय प्रबंधन संस्थान सिरमौर, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर और डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस विभाग में नए इन्कुवेशन केंद्र स्थापित करेगी।


















































