उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम 'सरकार गांव के द्वार' की शुरुआत सोलन जिला की ग्राम पंचायत नौणी से 17 जनवरी को होगी। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम और रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। मनमोहन शर्मा आज यहां कार्यक्रम के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मनमोहन शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों की विभिन्न समस्याओं को उनके घर-द्वार के समीप सुलझाने के लिए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आरंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज़िला स्तर के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी यह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अर्की विधानसभा क्षेत्र में 18 जनवरी, नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 19 जनवरी, सोलन विधानसभा क्षेत्र में 21 जनवरी, कसौली विधानसभा क्षेत्र में 23 जनवरी और दून विधानसभा क्षेत्र में 24 जनवरी को 'सरकार गांव के द्वारÓ पहुंचेगी।
पंचरुखी में आज पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व विधायक रवि धीमान ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। दस गारंटियों के नाम पर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार व्यवस्था परिवर्तन की बात करती है, लेकिन इस सरकार ने सत्ता में आते ही लगभग 900 संस्थान बंद कर दिए, हजारों नौकरियां खत्म कीं। मनरेगा में प्रदेश सरकार का दस प्रतिशत दिहाड़ी खातों में नहीं पड़ रही है, एक सौ सात रूट एचआरटीसी के बंद कर दिए, जिसमें माहिलाओं को आधा किराया माफ़ था। अब यह रूट निजी लोगों को दिए जा रहे हैं। अब माताओं व बहनों को फुल किराया देना पड़ रहा है। हिम केयर योजना के तहत भुगतान निजी अस्पतालों को नहीं मिलने से अस्पतालों ने इलाज करने से मना कर दिया है, वहीं बिजली विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। पत्रकार वार्ता में मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा महामंत्री स्वरूप डोगरा उपस्थित थे।
नाडा इंडिया फाउंडेशन के तत्वावधान में आज एंजेल दिव्यांग आश्रम में राष्ट्रीय युवा दिवस पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें नूरपुर के एसपी अशोक रत्तन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में तीन विधानसभाओं के 15 युवा क्लबों एवं महिला मंडलों ने भाग लिया और तंबाकू मुक्त जीवन का प्रण लिया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए एसपी ने बताया कि तंबाकू का उपयोग युवाओं के लिए एक धीमा जहर साबित होता है। तंबाकू नियंत्रण के तहत कोटपा अधिनियम के अंतर्गत स्कूलों के आसपास इस पर विशेष नजर रखनी चाहिए। स्कूलों के उपयोग कोटपा का सख्ती से पालन हो यह जरूरी है। यह सुखद है कि नियमों का शक्ति से पालन किया जा रहा है। इस अवसर साहित्यकार पंकज दर्शी ने बताया कि सृजन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को इनोवेशन और इन्नोवेटिव कार्यक्रमों से जोड़ने के प्रयास किया जा रहे हैं। इस दिशा में लिए गए प्रयास युवा व्यवहार में बड़े बदलाव करने में सक्षम हैं। बात को आगे बढ़ाते हुए नेहरू युवा केंद्र के नरेश कुमार ने कोटपा अधिनियम में तंबाकू खरीददार की मौजूदा आयु 18 से बढ़ाकर 21 करने का समर्थन किया। वहीं, नाडा इंडिया के मंगल सिंह ने कहा कि नाडा यंग इंडिया तंबाकू मुक्त हिमाचल और युवा के लिए सदैव से संघर्षरत है। युवा दिवस जैसे महत्वपूर्ण दिन युवाओं के लिए नव संचार का बड़ा स्रोत होते हैं। यह दिन युवाओं के सपनों को संबल देता है। कार्यक्रम में हनुमान युवक मंडल, परशुराम युवक मंडल, नोबल कम्युनिटी फाउंडेशन एवं एंजेल दिव्यांग की मौजूदगी ने सकारात्मक संदेश दिया कि भविष्य की राह कठिन जरूर किंतु नामुमकिन नहीं।
पुलिस थाना रक्कड़ के के अंतर्गत कटोह में एक नॉनवेज की दुकान से पुलिस ने 2 पेटी देसी संतरा शराब बरामद की है। दुकानदार की पहचान पवन कुमार निवासी कटोह के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी रक्कड़ गुरदेव सिंह ने कहा कि पुलिस उक्त दुकानदार के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वसुंधरा रंगमंच धर्मशाला के कलाकारों ने नशा मुक्त हिमाचल अभियान के चलते गीत-संगीत व नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। वीरवार को यह कार्यक्रम डाडासीबा में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की तरफ से डाडासीबा बस स्टैंड में किया गया। डाडासीबा के तहसीलदार बीरबल और कुलदीप कुमार ने इस कार्यक्रम की सराहना की जो की तहसील वेलफेयर ऑफीसर कार्यरत है। कार्यक्रम में हिमाचली पंजाबी गायक रोहित वोहरा ने अपने हिट गीत गाकर लोगों को मोहित किया और फिर हिमाचल की मशहूर मॉडल रुचिका ने अपने नृत्य से लोगों को कार्यक्रम देखने पर मजबूर किया। नाटक लत बुरी लगी गई में हिमाचली फिल्मों के अदाकार पुरुषोत्तम ने अपनी एक्टिंग से खूब तालियां बटोरी नशे के दुष्प्रभावों को बताते हुए शुभ और लेखराज ने हारमोनियम ढोलक पर गीत गया डॉक्टर सुरभि ने नाटक में अपनी कला से और जानकारी से लोगों को नशा मुक्ति मोबाइल एप और टोल फ्री नंबर 1908 के बारे में बताया रजनी बोहरा ने नशा मत करना गीत को खूब सराहा गया इस मौके पर डाडासीबा पंचायत के प्रधान परमेश्वरी दास, व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा सहित कई गणमान्य लोग इस मौके पर उपस्थित रहे।
**जयसिंहपुर हलके में लगाई जाएंगी 25 हाई मास्क लाइटें **जांगल चौक और मलोढ़न में दस-दस लाख से बनेंगे प्रवेश द्वार जयसिंहपुर हलके का पपरोला गांव साढ़े 8 करोड़ से बनने वाले पुल से आलमपुर-जांगल सड़क से जोड़ दिया जाएगा। यह जानकारी आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंदर गोमा ने ज्ञान विद्या पीठ विद्यालय जांगल के वार्षिक उत्सव में मुख्यातिथि के रूप में लोगों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारी वर्षा के कारण कटे पपरोला गांव के लिये पुल निर्माण कार्य को उन्होंने विधायक प्राथमिकता में डाला है और आने वाले वर्षों में इस कार्य को पूर्ण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वयं इस क्षेत्र का दौरा किया है और इसके लिये स्वयं चिंतित हैं। गोमा ने कहा कि परागे दा गलू से शिवनगर सड़क मार्ग को डबल लेन बनाने पर 16 करोड़ रुपये किये जायेंगे और इस सड़क का निरमा नाबार्ड के तहत किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जयसिंहपुर विधान सभा क्षेत्र के मुख्य स्थानों के लिये उन्होंने 25 हाई मास्क सोलर लाइट स्वीकृत की हैं। उन्होंने कहा कि जांगल चौक तथा आलमपुर चौक में भी हाई मास्क सोलर लाइट लगाई जा रही हैं। उन्होंने परागे दा गलू में भी हाई मास्क सोलर लाइट लगाने की स्वीकृति दी। उन्होंने कहा कि बालकरूपी हमारा प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है और इसके महत्व और आस्था को देखते हुए जांगल चौक में 10 लाख से आकर्षक प्रवेश द्वार बनाया जायेगा और इसे लाइटों से भी सुसज्जित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जांगल, आलमपुर, जगरूपनगर पंचायतों में पेयजल सुधार पर एक करोड़ से अधिक राशि व्यय की गई है। मंत्री ने विद्यालय के छात्रों, अध्यापकों और अभिभावकों को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की बधाई दी। उन्होंने विद्यालय के मेधावी छात्रों को पुरस्कृत भी किया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के लिये 21 हजार देने की घोषणा की।उन्होंने कहा कि स्कूल की और आने वाली संपर्क सड़क के शेष कार्य को भी पूरा कर परागे दा गलू से जोड़ा जाड़ने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कक्षा दसवीं की रिद्धि ने यादविंदर गोमा का बनाया स्कैच भेंट किया। इसके उपरांत यादविंदर गोमा ने मलोढ़न और साई गांव के लोगों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने मलोढ़न गांव की सड़क और शमशान घाट निर्माण तथा जयसिंहपुर हलके के प्रवेश मलोढ़न गांव में प्रवेश द्वार के लिए 10 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने साई गांव की बाबड़ी में शेड निर्माण कार्य, जांगल के वार्ड 7 में शमशान निर्माण के लिये 3 लाख देने की घोषणा की।
** प्रदेश में 73 प्रतिशत डिजिटल स्वास्थ्य कार्ड तैयार ** 35 आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 6-6 विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां स्वास्थ्य विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्वास्थ्य सूचना प्रबंधन प्रणाली समयबद्ध शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरंभिक स्तर पर यह प्रणाली प्रदेश के 56 अस्पतालों में शुरू की जाएगी, जिससे चिकित्सकों को क्लाउड आधारित सर्वर से रोगियों के सम्पूर्ण चिकित्सा विवरण उपलब्ध हो सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को घर-द्वार पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत स्वास्थ्य संस्थानों में नवीनतम प्रौद्योगिकी का समावेश कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सूचना प्रबन्धन प्रणाली इस दिशा में एक मील पत्थर साबित होगी। इससे रोगियों को पर्ची तथा अन्य मेडिकल टेस्ट से संबंधित दस्तावेज या उनकी छायाप्रतियां साथ ले जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी और उन्हें निर्बाध चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सक भी एक क्लिक पर रोगी का मोबाइल नम्बर अंकित करते ही उसके स्वास्थ्य के बारे में आवश्यक सूचना प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में डिजिटल स्वास्थ्य कार्ड बनाने का लक्ष्य जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा और अभी तक 73 प्रतिशत कार्ड बनाए जा चुके हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य देखभाल सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की भी गुणात्मक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए जा रहे हैं और अभी तक ऐसे 35 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान राज्य में स्थापित हो चुके हैं जहां 6 विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए गए हैं। उन्होंने शेष 33 संस्थानों में भी शीघ्र ही इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आईजीएमसी शिमला, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियेलिटी चमियाणा (शिमला) और टांडा मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी सुविधा शुरू करने के लिए जारी प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने यह सुविधा जल्द शुरू करने के निर्देश भी दिए ताकि लोगों को इसका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल ढांचे के आधुनिकीकरण तथा डिजिटलीकरण से गुणात्मक सेवाएं सुनिश्चित हो सकेंगी।
** विधानसभा उपाध्यक्ष ने बेचड़ का बाग स्कूल के वार्षिक समारोह में दी जानकारी ** कहा, जल्द पूरा होगा स्कूल की साइंस लैब एवं भवन का निर्माण हिमाचल विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि रेणुका क्षेत्र की प्रमुख ददाहू-बेचड़ का बाग सड़क के अपग्रेडशन के लिए 20 करोड़ से अधिक की धनराशि व्यय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जल्द सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर सड़क अपग्रेडशन हेतु टेंडर प्रक्रिया आरंभ की जा रही है। इस सड़क निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ होगा। विधानसभा उपाध्यक्ष ने यह बात आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेचड़ का बाग में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यार्थियों, अध्यापकों, अभिभावकों व अन्य लोगों को संबोधित करते हुए कही। बेचड़ का बाग और सांगड़ह स्कूलों में सृजित होंगे डीपीई के पद विनय कुमार ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बेचड़ का बाग और संगडाह में डीपीई के पद सृजित करने के लिए मामला प्रदेश सरकार को भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दोनों ही स्कूल बहुत पुराने है, किंतु अभी तक इनमें डीपीई के पद सृजित नहीं किए गए हैं। साइंस लैब एवं भवन निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 43.55 लाख मुहैया विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि बेचड़ बाग स्कूल में एक करोड़ रुपए की लागत से साइंस लैब एवं भवन का निर्माण काफी लंबे समय से लंबित है, किंतु अब इस साइंस लैब भवन को 31 मार्च से पूर्व पूरा करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस साइंस लैब भवन के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए 43.55 लाख रुपए की धनराशि लोक निर्माण विभाग को मुहैया करवाई गई है। उन्होंने कहा कि बेचड़ का बाग स्कूल में विज्ञान संकाय स्टाफ की नियुक्तियां भी प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। स्टोर और चौकीदार भवन निर्माण के लिए 2 लाख देने की घोषणा विनय कुमार ने स्कूल में स्टोर एवं चौकीदार कक्ष निर्माण के लिए 2 लाख रूपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्कूल की अन्य सभी मांगों को समय समय पर पूरा किया जाएगा। विधानसभा उपाध्यक्ष ने स्कूल में वार्षिक समारोह के शानदार आयोजन के लिए स्कूल प्रबंधन को बधाई दी है। उन्होंने कार्यकर्म के आयोजन हेतु 11 हजार स्कूल प्रबंधन को देने की घोषणा की है।
** हिंदुकुश में जमीन से 220 किमी नीचे था केंद्र ** फिलहाल किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं अफगानिस्तान के हिंदुकुश में आज दोपहर बाद 2:20 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इसकी वजह से पाकिस्तान के इस्लामाबाद, रावलपिंडी और भारत में जम्मू-कश्मीर से दिल्ली तक धरती हिल गई। नेशनल सेंटर फॉर सीसमोलॉजी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई। इसका केंद्र हिंदुकुश में जमीन से करीब 220 किलोमीटर नीचे था। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की कोई खबर नहीं है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था। इसके झटके दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों में महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में था। इसके झटके दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों में महसूस किए गए। दो माह पूर्व नेपाल में आया था 6.4 तीव्रता का भूकंप गत वर्ष 4 नवंबर को रात 11:32 बजे नेपाल में 6.4 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें 157 लोगों की मौत हुई थी। तब दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और बिहार की राजधानी पटना में भी झटके महसूस किए गए थे। हालांकि भारत में किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ था।
दयानंद एंग्लोवैदिक विद्यालय (डीएवी) स्कूलों की राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता के 10 मीटर एयर राइफल अंडर-17 में डीएवी स्कूल रिकांगपिओ की 9वीं कक्षा की छात्रा अर्निका सिंह ने छठा स्थान हासिल किया है। डीएवी स्कूल फरीदाबाद हरियाणा में गत 4 व 5 जनवरी को डीएवी स्कूलों की दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जिसमें अर्निका सिंह ने यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पूर्व भी किन्नौर व शिमला जिला के समस्त विद्यालयों के मध्य इंदिरा गांधी खेल परिसर शिमला में 5 व 6 दिसंबर को दो दिवसीय कलस्टर लेवल शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था जिसमें जिला किन्नौर के डीएवी विद्यालय रिकांग पिओ की 9वीं कक्षा की छात्रा अर्निका सिंह ने स्वर्ण पदक हासिल किया था। इस अवसर पर अर्निका सिंह की इस उपलब्धि पर डीएवी स्कूल प्रबंधन के साथ-साथ अभिवावकों और स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की है, साथ ही उम्मीद जताई की अर्निका सिंह आने वाले समय में शूटिंग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।
भारत सरकार के पर्यावरण वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा विधिवत अनुमोदित एक नई लघु पशु अनुसंधान सुविधा का उद्घाटन शूलिनी विश्वविद्यालय में किया गया। यह सुविधा छोटे प्रयोगशाला जानवरों का उपयोग करके मानव स्वास्थ्य आवश्यकताओं को संबोधित करते हुए खरीद, रखरखाव और प्रयोगात्मक अनुसंधान पर केंद्रित होगी। नव निर्मित सुविधा गृह का उद्देश्य हिमालयी औषधीय वनस्पतियों से प्राप्त प्राकृतिक उत्पादों की दवा खोज और दवा वितरण पर अनुसंधान करना होगा। शोध में मस्तिष्क, त्वचा, यकृत, जीवनशैली से संबंधित विकार, अस्थमा, ऑस्टियोपोरोसिस, मधुमेह, मोटापा और कैंसर को प्रभावित करने वाली बीमारियों सहित कई प्रकार की बीमारियों को शामिल किया जाएगा। अनुसंधान पहल के अभिन्न घटकों में उन्नत अनुसंधान उपकरणों का उपयोग करते हुए पशु और कोशिका-आधारित अध्ययन शामिल हैं। शूलिनी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक योग, कंप्यूटर-एडेड ड्रग डिज़ाइन (सीएडीडी), और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों से अद्वितीय अंतर्दृष्टि का लाभ उठाकर, उपरोक्त बीमारियों के समाधान की संभावनाओं का पता लगा सकते हैं।
- चंडीगढ़ की प्रतिष्ठित कंपनी क्रिएटिवान टेक्नोलॉजीज में हुआ विद्यार्थियों का चयन हिमाचल के जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित आईईसी यूनिवर्सिटी में कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया। इसमें चंडीगढ़ की प्रतिष्ठित कंपनी क्रिएटिवान टेक्नोलॉजीज के एमडी दिनेश ठाकुर और डिस्पैच मैनेजर गुरविंदर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने इंटरव्यू राउंड, ऑनलाइन टेस्ट और समूह चर्चा (जीडी) के आधार पर उज्जवल कुमार सिंह, दीपम भारद्वाज, हिमांशू मिश्रा और सतविंदर सिंह का मौके पर ही चयन कर लिया और अन्य अच्छा-प्रदर्शन करने वाले छात्रों को इंटर्नशिप प्रशिक्षण का मौका दिया। उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास बढ़ाने के टिप्स और कंपनियों की कार्यप्रणाली के परिप्रेक्ष्य में भी विस्तार से समझाया। उन्होंने आईईसी यूनिवर्सिटी के छात्रों को हर साल कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से नौकरी के वेहतर अवसर प्रदान करते रहने का आश्वासन भी दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक पुरी ने अपने संदेश में चयनित छात्रों को बधाई दी और उनके बेहतर भविष्य की कामना की। साथ ही बच्चों को आश्वासन दिया कि आने वाले समय में भी विश्वविद्यालय इस तरह के कैंपस इंटरव्यू का आयोजन कर बच्चों को रोजगार के अवसर प्रदान करता रहेगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की ओर से स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के छात्रों को प्लेसमेंट का बेहतर अवसर दिलवाना था।
-ऐतिहासिक ठोडो मैदान में होगा समारोह -डीसी मनमोहन शर्मा ने दी जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित किया जाएगा। मनमोहन शर्मा आज यहां इस संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह इस वर्ष सोलन में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्यातिथि होंगे। उनके साथ मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) राम कुमार उपस्थित रहेंगे। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यातिथि सर्वप्रथम प्रात: 10.40 बजे कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेश वासियों एवं जिला वासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। 11.00 बजे ठोडो मैदान में ध्वजारोहण करेंगे। वह तदोपरांत पुलिस तथा गृह रक्षा एवं एनसीसी सहित अन्य टुकड़ियोंं द्वारा प्रस्तुत भव्य मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
सीनियर सेकेंडरी स्कूल टौणी देवी में 12 और 13 जनवरी को शहीद अनिल मेमोरियल बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी शहीद अनिल मेमोरियल संस्था के अध्यक्ष रितेश चौहान ने दी। इस प्रतियोगिता में हमीरपुर के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। संस्था के अध्यक्ष व उनकी टीम ने कहा कि इस प्रतियोगिता का आयोजन हर साल किया जाता है और इसमें प्रदेश भर से टीमें भाग लेती हैं। इस बार खास बात यह है कि आर्मी की दो टीमें भी भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि जीतने वाली टीम को मोमेंटो व 21000 की नकद राशि दी जाएगी, वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 15000 रुपये व मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतियोगिता शहीद अनिल चौहान के नाम उनके छोटे भाई रितेश चौहान की ओर से हर साल करवाई जाती है। इलाके का हर एक व्यक्ति इस प्रतियोगिता में अपना सहयोग देता है।
-कॉलेज में बीएड द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रथम वर्ष के विद्यार्थिया को दी फ्रेशर पार्टी मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में बीएड के द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं हेतु फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती को माल्यार्पण से हुआ। कार्यक्रम में मिनर्वा कॉलेज के अध्यक्ष जेएस पटियाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने नए प्रशिक्षु अध्यापकों के मंगल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ स्वागत किया और उनको भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा की गई। कार्यक्रम का आरंभ रचनात्मक तरीके से किया गया, जिसके बाद विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम पेश किए गए। इस मौके पर विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर रैंप वॉक, डांस कॉम्पिटिशन व अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें मिस्टर फ्रेशर रिजुल और मिस फ्रेशर नेहा को चुना गया। वहीं, अर्चित को मिस्टर पर्सनालिटीऔर काजल को मिस पर्सनैलिटी चुना गया। इसी दौरान नरेश को मिस्टर हैंडसम और दीक्षा को मिस ब्यूटीफुल चुना गया। समारोह के अंत में कॉलेज के अध्यक्ष जेएस पटियाल और प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा चुने हुए प्रशिक्षु अध्यापकों को मंच पर सम्मानित किया गया। समारोह में लोहड़ी के त्योहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में लोहड़ी पूजन किया गया, जिसमें पॉपकॉर्न, मूंगफली और मिठाइयां वितरित की गईं। विद्यार्थियों ने पंजाबी गीतों पर डांस किया, लोहड़ी के गीत गाए आदि। सभी ने छात्रों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और कहा कि पंजाब में रहने वाले लोग लोहड़ी को बहुत महत्व देते हैं क्योंकि यह त्योहार लोगों को भगवान के प्रावधानों के लिए आभारी होने और उनकी रचनाओं का जश्न मनाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपनी सांस्कृतिक विरासत को महत्व देने के लिए प्रोत्साहित किया।
** हाई कोर्ट ने डीजीपी पद से हटाने का निर्देश वापस लेने से कर दिया है इनकार ** उच्च न्यायालय ने खारिज कर दी है कुंडू की रिकॉल अपील हिमाचल के पूर्व डीजीपी संजय कुंडू ने हिमाचल हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ उक बार फिर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सुप्रीम कोर्ट में कुंडू के वकील गौरव गुप्ता द्वारा अपील दायर की गई है और इसे सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाना बाकी है। हाई कोर्ट ने नौ जनवरी को सुनाए अपने फैसले में कुंडू को हिमाचल प्रदेश के डीजीपी पद से हटाने का निर्देश वापस लेने से इनकार कर दिया है। हाई कोर्ट ने पद से हटाने के खिलाफ संजय कुंडू और कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री की रिकॉल अपील खारिज कर दी थी। मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सरकार से उस मामले की जांच के लिए एक सप्ताह के भीतर महानिरीक्षक स्तर से नीचे के अधिकारी की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने को कहा, जिसमें पालमपुर के व्यवसायी निशांत शर्मा ने अपने व्यापारिक साझेदारों से जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उन्होंने कुंडू के आचरण पर भी सवाल उठाया था और आरोप लगाया था कि अधिकारी ने उन्हें फोन किया था और शिमला आने के लिए कहा था।
-ओपीएस बहाली और एमडी को हटाने की उठाई मांग -कहा, बर्दाश्त नहीं करेंगे अनदेखी और सौतेला व्यवहार हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड के प्रदेश भर से हजारों कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आज शिमला के कुमार हाउस पहुंचे। कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली और एमडी को हटाने की मांग उठाई। कर्मी विद्युत बोर्ड में स्थायी एमडी नियुक्त करने की मांग कर रहे हैं। बिजली बोर्ड के इंजीनियर और कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर एक संयुक्त मोर्चे का गठन किया है। इसी संयुक्त मोर्चे के बैनर तल बिजली बोर्ड के कर्मचारी लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आज शिमला में की गई महारैली में संयुक्त मोर्चा के संयोजक इंजीनियर लोकेश ठाकुर ने कहा कि बिजली बोर्ड कर्मचारियों की अनदेखी और उनके साथ सौतेला व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आज निकाली गई महारैली के बावजूद सरकार नहीं जागी तो आगामी रणनीति तैयार की जायेगी।
** प्रदेश सरकार ने नए शैक्षणिक सत्र को लेकर जारी किए दिशा-निर्देश ** छात्राओं के लिए घुटने से नीचे तक स्कर्ट, कमर से नीचे तक शर्ट पहनना जरूरी हिमाचल प्रदेश सरकार ने नए शैक्षणिक सत्र से सरकारी स्कूलों में वर्दी के रंग-रूप और अन्य पहनावों को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अब विद्यार्थी बालों में जेल, हाथों में नेल पॉलिश, शरीर पर टैटू और खुली या तंग मोरी की पैंट-सलवार पहनकर नहीं आ सकेंगे। वहीं, छात्राओं के लिए घुटने से नीचे तक स्कर्ट, कमर से नीचे तक शर्ट पहनना और लंबे बाल होने पर दो चोटी बनाना अनिवार्य होगा। पहली से बारहवीं कक्षा तक पढ़ने वाले करीब साढ़े सात लाख विद्यार्थियों को नए सत्र से पहनावे में बदलाव लाना होगा। अस बाबत शिक्षा विभाग ने प्रारंभिक और उच्च शिक्षा निदेशकों को तय नियमों का नए सत्र से पालन सुनिश्चित करवाने के लिए पत्र भेज दिए हैं। बालों में जेल लगाने पर भी रोक शिक्षा सचिव की ओर से जारी निर्देशों में स्पष्ट है कि छात्राओं के सूट की लंबाई घुटनों से एक इंच नीचे होगी। सलवार की मोरी न तो बहुत अधिक होगी और न अधिक तंग। स्कूल शर्ट-स्कर्ट चुनते हैं तो शर्ट के कॉलर सफारी सूट जैसेे होंगे। सूट और शर्ट पूरे बाजू के बनाने होंगे। लंबी जुराबें पहननी होंगी। टाई को शर्ट के पहले बटन को बंद करते हुए लगाना होगा। लंबे बालों वाली छात्राओं को रिबन बांध कर दो चोटी करनी होगी। छोटे बाल वाली छात्राओं को हेयर बैंड के साथ हेयर पिन लगानी होगी। छात्राओं को दुपट्टा भी पहनना होगा। छात्रों को छोटे बाल रखने होंगे। सिख समुदाय के छात्रों को सफेद पटका पहनना होगा। बालों में जेल लगाने पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा मेकअप कर आने, आभूषण पहनने, ऊंची एड़ी के जूते या बूट पहनने पर रोक लगाई है। स्कूल प्रमुख-एसएमसी करेंगे वर्दी का चयन सरकार ने वर्दी का रंग और रूप तय करने का अधिकार स्कूल प्रमुख और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) को दिया है। इसके लिए वर्दी के रंगों के छह विकल्प हैं। वर्दी का कोई भी विकल्प तय नहीं होने पर स्कूल पुरानी वर्दी चुन सकेंगे। बैग फ्री डे या अन्य किसी विशेष दिवस पर स्कूल ट्रैक सूट भी लगा सकेंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक को अपने ग्राहकों की सुविधा के लिए वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) नीति बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने आज ओक ओवर में बैंक के अध्यक्ष देवेेंद्र श्याम और प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा के साथ हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को नाबार्ड और भारतीय रिजर्व बैंक के साथ मिलकर एक विस्तृत वन टाइम सेटलमेंट नीति विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य हजारों किसानों, बागवानों और बैंक से जुड़े अन्य कर्जदारों को पर्याप्त सहायता प्रदान करना है, जिसे शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। वन टाइम सेटलमेंट नीति बैंक के ऋणधारकों को रियायती दर पर अपने बकाया का निपटान करने का अवसर प्रदान करेगी। इससे कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकेगा और सफल निपटान के बाद उनके क्रेडिट स्कोर में सुधार होगा। इसके साथ ही इससे गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों की पुनर्प्राप्ति करने, ऋण प्राप्ति और बैंक के समग्र वित्तीय सुधार होने से बैंक को भी लाभ मिलेगा। वन टाइम सेटलमेंट की इस नीति से 5 हज़ार से अधिक लोगों को लाभ होगा। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक और जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक को भी अपने ग्राहकों के हित में ऐसी वन टाइम सेटलमेंट नीति विकसित करने और लागू करने के लिए समान निर्देश जारी किए जाएंगे।
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि लोगों को शुद्ध तथा स्वच्छ जल उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं तथा धर्मशाला तथा चामुंडा धाम सहित विभिन्न पर्यटक गंतव्यों पर पेयजल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली के तहत 25 प्वाइंट विकसित किए जाएंगे। विधायक सुधीर शर्मा ने बुधवार को धर्मशाला में 18-18 लाख की लागत से शहीद स्मारक तथा डीआरडीए के समीप वास्तविक समय पेयजल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली स्कीम का शुभारंभ किया। विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि जल प्रदूषण वर्तमान एक बहुत बड़ी चुनौती तथा लोगों को स्वच्छ जल प्राप्त हो इस के लिए धर्मशाला में पेयजल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली को विकसित किया जा रहा है। अगर प्रयोग सफल रहा तो अन्य जगहों पर भी इसी तरह से पेयजल सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी। विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में पेयजल की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नाबार्ड के तहत ही 80 करोड पेयजल तथा सिंचाई योजनाएं मंजूरी के लिए भेजी गई हैं जबकि 28 करोड़ की तीन सिंचाई योजनाओं स्वीकृत करवाई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 32 करोड़ की 15 योजनाएं क्रिर्यान्वित की जा रही हैं ताकि लोगों को बेहतर पेयजल की सुविधा मिल सके। विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि 100 लीटर प्रतिव्यक्ति प्रति दिन के आधार पर ही पेयजल योजनाओं का निर्माण किया जाएगा ताकि प्रत्येक व्यक्ति को पानी उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि सभी पेयजल योजनाओं में फिल्टर तथा युवी जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग अनिवार्य तौर पर करने के निर्देश दिए गए हैं। विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला को सुंदर तथा स्वच्छ बनाने की दिशा में भी कारगर कदम उठाए जा रहे हैं ताकि पर्यटकों की आमद में बढ़ोतरी हो सके। विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की कमी नहीं रखी जाएगी तथा सभी अधिकारियों को समयबद्व कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे पहले अधिशासी अभियंता संदीप चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए वास्तविक समय पेयजल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य अभियंता आईपीएच सुरेश महाजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
हिमालयन आईटीआई लगबलियाना में 16 जनवरी को रोजगार मेला लगेगा। महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी 50 से अधिक आईटीआई पास बच्चों के 15657 रुपए प्रतिमाह सैलेरी पर नौकरी देगी। आईटीआई के प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में वे युवा भाग ले सकते हैं, जिनकी आयु 18 से 25 वर्ष के बीच है और जिन्होंने फिटर, मोटर मैकेनिक व्हीकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक, मशीनिस्ट, ट्रैक्टर मैकेनिक, वेल्डर,पेंटर, कोपा, टर्नर डीजल मैकेनिक व टेक्निकल ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमा किया हो। चयनित युवाओं को कंपनी की तरफ से विशेष सुविधा के रूप में कैंटीन और बस की सुविधा दी जाएगी और फ्री बर्दी दी जाएगी। इच्छुक युवाओं को जरूरी प्रमाण पत्रों के साथ सुबह 9 बजे से पहले हिमालयन आईटीआई में पहुंचना होगा।
आईटीआई नैहरनपुखर में एक बार फिर युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। 19 जनवरी को स्वराज माजदा लिमिटेड द्वारा युवाओं को आईटीआई नैहरनपुखर में कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा । कंपनी के एचआर विभाग के अधिकारी ने बताया कि 19 जनवरी को होने वाले कैंपस इंटरव्यू में भाग लेने के शैक्षणिक योग्यता आईटीआई के तकनीकी व्यवसाय मशीनिस्ट, टर्नर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, मैकेनिक ट्रैक्टर, मैकेनिक डीजल, टूल व डाई मेकर मेें कोर्स पूरा कर चुके सभी पुरुष व महिला अभ्यर्थी पात्र होंगे। कंपनी द्वारा चयनित युवाओं मे फ्रेशर को 12688 रुपये, 2 वर्ष अनुभव के साथ 13598 रुपये व 3 वर्ष अनुभव के साथ 14638 रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा वर्ष 2020, 2021, 2023 में आईटीआई पास कर चुके अभ्यर्थियों को बतौर अप्रेंटिशिप ट्रेनी चयन किया जाएगा। अप्रेंटिशिप ट्रेनी को प्रतिमाह 10640 रुपये भत्ता दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा नियमानुसार भत्ते व सुविधाएं दी जाएंगी। चयन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच ही होनी चाहिए। पात्र युवा 19 जनवरी को सुबह दस बजे चार पासपोर्ट साइज फोटो, मूल प्रशिक्षण प्रमाणपत्रों, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, आधार कार्ड, पैन कार्ड की प्रतिलिपियों के साथ पहुंच जाने चाहिए। इस विषय बारे संस्थान प्रधानाचार्य ई. ललित मोहन ने बताया कि युवाओं की चयन प्रक्रिया में पहले एक लिखित परीक्षा, ग्रुप डिस्कशन होगी और उसके बाद साक्षात्कार लिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए संस्थान के ट्रेनिंग व प्लेसमेंट अधिकारी मुकेश कौशल से दूरभाष 9418162333 व सदस्य रवि गुलेरिया से 8580467991 पर संपर्क किया जा सकता है।
विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर गत दिवस केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्रों को एक हिंदी मूवी 12वीं फेल दिखाई गई। इस फिल्म में जिस किरदार ने यह रोल निभाया है, वह एक आईएएस बनना चाहता था। इसी पर आधारित एक मोटिवेशनल मूवी है, जो कि छात्र-छात्राओं को दिखाई गई, ताकि वह भी इस फिल्म से कुछ प्रेरणा ले सकें और भविष्य में आईएएस व आईपीएस जैसे देश के सर्वोच्च पदों पर आसीन हो सकें। इस अवसर पर परिसर के समस्त शिक्षक और गैर शिक्षक कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसर की प्रभारी निदेशक डॉक्टर प्रतिज्ञा आर्या ने किया व कार्यक्रम का संचालन हिंदी विषय के सहायकाचार्य डॉक्टर पीयूष त्रिपाठी ने किया।
सीबीआई ने शिमला थाने में 191 करोड़ रुपये का चूना लगाने के मामले में भारत सरकार के उपक्रम सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) लिमिटेड के तीन पूर्व अफसरों, एक निजी कंपनी के दो प्रतिनिधियों और एक अन्य कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने प्रांरभिक जांच में पाया कि एसजेवीएन के महाराष्ट्र के अहमदनगर स्थित पवन ऊर्जा संयंत्र की स्थापना में अनियमितता बरती गई, जिससे निगम को 191 करोड़ का नुकसान हुआ। सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने बुधवार को आरोपियों के दिल्ली, गाजियाबाद, गुड़गांव, समाना (जिला पटियाला, पंजाब) और चेन्नई स्थित परिसरों सहित लगभग सात स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान कई अहम दस्तावेज कब्जे में लिए गए। सीबीआई ने आईपीसी की धारा 120-बी और 420 के साथ ही पी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जिन पर मामला दर्ज किया गया, उनमें एसजेवीएन के कार्यकारी निदेशक सेवानिवृत्त आरके अग्रवाल, सेवानिवृत्त मुख्य महाप्रबंधक संजय उप्पल और सेवानिवृत्त उप महाप्रबंधक एके जिंदल के अलावा निजी कंपनी मैसर्स पावर एनर्जी के प्रतिनिधि कंसल्टेंट्स विनीत शर्मा और सीएम जैन सहित मैसर्स गमेसा विंड टरबाइन प्रो. लिमिटेड चेन्नई (अब मैसर्स सीमेंस गेम्सा रिन्यूएबल पावर प्राइवेट लिमिटेड चेन्नई) शामिल है। सीबीआई ने पाया कि एसजेवीएन के महाराष्ट्र के अहमदनगर स्थित पवन ऊर्जा संयंत्र की स्थापना में अनियमितता बरती गई है। आरोप है कि कंपनी ने पवन ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने के लिए दोषपूर्ण व्यवहार्यता रिपोर्ट प्रदान की थी। इसके साथ ही आरोपियों ने अन्य के साथ षड्यंत्र रचते हुए खिरविरे, कोंभलाने जिला अहमदनगर (महाराष्ट्र) स्थित एसजेवीएन के पवन ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के लिए निविदा विनिर्देशों के अनुसार उपकरणों एवं सामग्री की उचित आपूर्ति व स्थापना सुनिश्चित नहीं की, जिस कारण उक्त संयंत्र का प्रदर्शन कम हो गया। ऐसे में निगम को लगभग 191 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने शिमला के ऐतिहासिक टाउन हॉल में फूड कार्ट के संचालन पर रोक लगा दी है। कोर्ट ने फूड कोर्ट संचालक देवयानी इंटरनेशनल कंपनी को आदेश दिए कि वह अगली सुनवाई तक टाउन हॉल में फूड कैफे का संचालन न करें। मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव और न्यायाधीश ज्योत्सना रिवाल दुआ की खंडपीठ ने कहा कि टाउन हॉल शिमला शहर का बहुत प्रतिष्ठित ऐतिहासिक स्थल है। इसे हाल ही में एशियन विकास बैंक के सहयोग से भारी खर्च कर पुनर्निर्मित किया गया। कोर्ट ने कहा कि विरासत स्थल हमेशा अनमोल होते हैं। प्राचीन युग की साक्षी रही हेरिटेज बिल्डिंग एक खजाना है, इसलिए इसे सार्वजनिक ट्रस्ट में माना जा सकता है। इस विरासत को विरासत के लिए संरक्षित करना होगा। प्रतिष्ठित इमारत में फ़ूड कैफे चलाने से इस संपत्ति पर लगातार दबाव बढ़ेगा जो इसके विरासत मूल्य को खतरा पैदा करेगा। कोर्ट ने इस मामले में जनहित को निजी हित से ऊपर बताया। कोर्ट ने कहा कि फूड कोर्ट चलाने से बिल्डिंग को अपूरणीय क्षति पहुंचेगी। न्यायालय ने नगर निगम शिमला कमिश्नर को आदेश दिए कि वह इस आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करें। कोर्ट ने खेद जताते हुए कहा कि मामले को दो दिनों तक लगातार सुनने के पश्चात कई महत्वपूर्ण प्रश्न उत्पन्न हुए परंतु आधिकारिक उत्तरदाताओं चाहे वे राज्य सरकार हो या नगर निगम हो या एचपी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बैंक, किसी ने भी उन प्रश्नों का उत्तर नहीं दिया। न्यायालय ने महाधिवक्ता कार्यालय से राज्य विरासत सलाहकार समिति को इस मामले के सभी पहलुओं पर गौर करने का आदेश भी दिया और अगली तारीख तक रिपोर्ट सौंपने को कहा है। मामले पर सुनवाई 14 मार्च को होगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज ओक ओवर, शिमला में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत निराश्रित बेटी नक्षत्रा सिंह को भवन निर्माण के लिए तीन बिस्वा जमीन के दस्तावेज प्रदान किए। नक्षत्रा सिंह वर्तमान में बिलासपुर जिला के सदर उपमंडल के तहत निदेशालय महिला एवं बाल विकास के वुमेन वर्किंग होस्टल में रह रही हैं। इस योजना के तहत भवन निर्माण के लिए भूमि प्राप्त करने वाली वह जिला बिलासपुर की पहली लाभार्थी हैं। मुख्यमंत्री ने नक्षत्रा सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अपने ध्येय को प्राप्त करने के लिए उन्हें जीवन में निरन्तर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। इससे पूर्व, नक्षत्रा सिंह को स्टार्ट-अप के तहत लघु उद्योग के लिए भी दो लाख रुपये की धनराशि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत प्रदान की गई है। इस स्टार्ट-अप में नक्षत्रा सिंह ने तीन महिलाओं को रोजगार प्रदान किया है। इस अवसर पर बिलासपुर के उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने अवगत करवाया कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अन्तर्गत नक्षत्रा सिंह को घर बनाने के लिए धनराशि प्रदान करने सम्बंधी आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूर्ण की जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत जिला बिलासपुर में 18 से 27 वर्ष आयु के 128 चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट पंजीकृत किए गए हैं, जिन्हें योजना के तहत विभिन्न लाभ प्रदान किये जा रहे हैं।
भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय द्वारा वैज्ञानिकों की चार सदस्यीय बहु-संस्थागत टीम को नैनोकणों के एंटीफंगल गुणों पर पेटेंट प्रदान किया गया है। टीम में डॉ. यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी की एक वैज्ञानिक शामिल हैं। विश्वविद्यालय के औदयानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, नेरी, हमीरपुर में पादप रोग विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ. मोनिका शर्मा ने एमिटी यूनिवर्सिटी और आईएसआरसी के वैज्ञानिकों के साथ मिलकर इस पेटेंट को हासिल किया है। नैनोकणों में नए रोगाणुरोधी एजेंटों के रूप में उपयोग करने की क्षमता है और इसलिए फसलों में रोगों के प्रबंधन के लिए सिंथेटिक कवकनाशी के विकल्प के रूप में इसका उपयोग किया जा सकता है। नैनोकणों में अपने लक्ष्य स्थलों के लिए उच्च प्रतिक्रियाशीलता होती है और इसलिए बहुत कम मात्रा पर भी फंगल रोगजनकों की वृद्धि और गतिविधि को प्रभावित करते हैं। डॉ. मोनिका पिछले छह वर्षों से नैनोकणों के एंटीफंगल गुणों के क्षेत्र में काम कर रही हैं और अंतरराष्ट्रीय ख्याति शोध पत्रिकाओं में शोध पत्र प्रकाशित कर चुकी हैं। नौणी विवि के कुलपति ने वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना की और कहा की बदलती जलवायु में कई रोगजनक समस्याओं का सामना कर रहे किसानों के लाभ के लिए इसे शोध को आगे बढ़ाने का जरूरत है। निदेशक अनुसंधान डॉ. संजीव चौहान ने भी शोधकर्ताओं को बधाई दी।
भाजपा मंडल की आलमपुर व शिवनगर जोन की बैठक बुधवार को मंडल अध्यक्ष देवेंद्र राणा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें प्रदेश पार्टी विस्तारक सतीश राणा व पूर्व विधायक रवि धीमान ने मुख्यातिथि के रुप में शिरकत की। रवि धीमान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जनहितैषी नीतियों व कार्यक्रमों का ही करिश्मा है कि तीनों राज्यों में कमल खिला है। रवि धीमान ने कहा कि कांग्रेस की तीनों ही राज्यों में हुई हार से यह अनुभूत होता है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा की सीटें 400 से पार होंगी और हिमाचल में भी चारों की चारों सीटें भारी बहुमत से भाजपा जीतेगी। बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष राम रतन शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवा कटोच, गंदड़ पंचायत की प्रधान विंता कटोच,आलमपुर पंचायत की प्रधान शकुंलता देवी, अशोक कटोच, मंगल व्यास, हनुमंत प्रसाद, राजीव राणा और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे ।
पुलिस जिला नूरपुर द्वारा चलाए नशे के खिलाफ अभियान के तहत 16 मार्च, 2023 को पुलिस थाना इंदौरा के अधीन एसडीएम ऑफिस इंदौरा के नजदीक नाकाबंदी के दौरान गाड़ी नंबर एच पी 12 जे 7996 में सवार अमन कुमार पुत्र चंदन सिंह व एक नाबालिग के कब्जे से 260 ग्राम हीरोइन बरामद की थी। मामले में थाना इंदौरा में मुकदमा संख्या 42/23 धारा 21-25-29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपियों से पूछताछ कर व अन्य तथ्यों के आधार पर या पाया गया कि चिट्टे की खेप सोनू पुत्र श्यामलाल को दी जानी थी, जिस पर आरोपी सोनू पुत्र श्यामलाल को 16 मार्च 2023 को गिरफ्तार कर लिया गया था। आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आया कि इन आरोपियों ने हीरोइन मंगा सिंह पुत्र दिलीप सिंह निवासी कपूरथला, पंजाब से खरीदी थी। इस पर जिला पुलिस नूरपुर की टीम ने 18 मार्च 2023 को उपरोक्त मंगा सिंह के किराए के मकान मोहल्ला चंदन नगर जिला जालंधर पंजाब में छापामारी करके आरोपी के कब्जे से 9 किलो 514 ग्राम चूरा पोस्त व 223000 नकदी बरामद करने में सफलता प्राप्त करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। मामले की जानकारी देते हुए जिला पुलिस नूरपुर अधीक्षक अशोक रत्न ने बताया कि पुलिस द्वारा अभियोग में आरोपियों की संपत्ति की वित्तीय जांच नियमानुसार अमल में लाई गई, जिसमें आरोपी सोनू पुत्र श्यामलाल निवासी गांव गंगथ तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा की 5844818 मूल्य की चल व अचल संपत्ति को जब्त करके आगामी आदेशों हेतु सक्षम प्राधिकारी नई दिल्ली को आवेदन किया गया, जिस पर सक्षम अधिकारी ने 2 जनवरी के आदेशों द्वारा उपरोक्त संपत्ति के जब्ती संबंधी आदेश की पुष्टि की है।
अखिल भारतीय राष्ट्र्रीय कांग्रेस जिला हमीरपुर के प्रवक्ता रोहित शर्मा एडवोकेट ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का अमतर क्रिकेट स्टेडियम नादौन में भव्य स्वागत हुआ। रोहित शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री व्यवस्थाओं को व्यवस्थित कर सरकार के व्यवस्था परिवर्तन के नारे को चरित्रार्थ कर रहे हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने विकास की परिभाषा की नई इबारत लिखते हुए राजकीय महाविद्यालय धनेटा में वीडब्ल्यूएससी भवन की आधारशिला रखी, उसके बाद जनसूह में एलडब्ल्यूएसएस जनसुह का उद्घाटन किया। वहीं, धनेटा में विशाल जनसभा को संबोधित किया व समस्याएं सुनीं। इस जनसभा के मौके पर स्थानीय लोगों ने वी लव यू सुक्खू भाई के नारे लगाकर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री सुक्खू इस बात को स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन की वजह से प्रदेश की आर्थिकी को नुकसान पहुंचाया है। गत वर्ष प्रदेश ने भारी बारिश की वजह से आपदा को झेला है। मुख्यमंत्री केंद्र की मोदी सरकार को लगातार प्रदेश की समस्याओं से अवगत करवा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ विडंबना यह है कि भाजपा के शीर्ष पद पर विराजमान नेता मोदी सरकार के समक्ष आवाज उठाने में असफल रहे हैं, जिसका खामियाजा हर आम हिमाचली उठा रहा है।
उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने आज शिलाई क्षेत्र के तिरलोधार विकास खंड के तहत सकोली, कोड़गा और कांटी-मशवा पंचायतों में बैकवर्ड सब एरिया प्लान के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों के साथ विभिन्न सरकारी संस्थानों का निरीक्षण किया। सुमित खिमटा ने इस अवसर पर सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार द्वारा शिलाई क्षेत्र की पिछड़ी पंचायतों सकोली, कोड़गा और कांटी-मशवा में बैकवर्ड एब एरिया प्लान के तहत चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि इन पंचायतों में अतिआवश्यक विकास कार्यों का एस्टीमेट, सम्बन्धित पंचायत के प्रस्ताव के साथ उन्हें भेजे ताकि इनके लिए बजट प्रावधान करवाया जा सके। उन्होंने आंगनबाड़ी भवनों, प्राथमिक पाठशालाओं, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं, स्वास्थ्य संस्थानों के अलावा महिला मंडल भवनों का निरीक्षण भी किया और यहां चल रही विभिन्न विभागीय गतिविधियों का जायजा लिया।
-अग्नि में तिल, मूंगफली, रेवड़ी डाल की सबका भला होने की कामना -सभी ने बोलियों व ढोल की थाप पर सेलिब्रेट किया त्योहार मिनर्वा शिक्षण संस्थान घुमारवीं में लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के प्रिंसिपल प्रवेश चंदेल ने की। स्टाफ सदस्यों व बच्चों ने लोहड़ी की अग्नि में तिल, मूंगफली, रेवड़ी डालकर सब के भले की कामना की। इस दौरान सभी ने बोलियों व ढोल की थाप पर लोहड़ी पर्व को सेलिब्रेट किया। प्रिंसिपल प्रवेश चंदेल ने स्टाफ व विद्यार्थियों को लोहड़ी व मकर संक्रांति की बधाई देते हुए कहा कि हमें अपने अंदर छुपी बुराइयों को त्याग कर सत्य के मार्ग पर चलना चाहिए। लोहड़ी की पावन अग्नि में तिल भेंट करते समय हमें संकल्प लेना चाहिए कि जो कार्य हम कर रहे हैं, उससे किसी का बुरा न हो। इस मौके पर राकेश चंदेल ने कहा कि लोहड़ी प्रेम-भाईचारे, संस्कृति और उल्लास का पर्व है, जो हमें समाज में एकता, सद्भावना और आपसी भाईचारा बनाए रखने की प्रेरणा देता है। लोहड़ी का त्योहार हमारे सांस्कृतिक तंत्र और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को और मजबूत करने में सहायक है। यह पावन अवसर हमें मानवता व प्रेम-प्यार की शिक्षा देता है।
-कार्यक्रम में विधायक संजय रत्न रहे मुख्यातिथि दिल्ली कान्वेंट स्कूल ज्वालामुखी में बुधवार को स्कूल का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न मुख्यातिथि व डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। सर्वप्रथम मुख्यतिथि द्वारा माता सरस्वती की तस्वीर के आगे दीप प्रज्ववलित करके कार्यक्रम की शुरुआत की। समारोह में पहले कक्षा नवमीं व दसवीं के छात्रों द्वारा सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी गई, उसके उपरांत पहली कक्षा के छात्रों द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति दी गई। पांचवीं कक्षा के छात्रों द्वारा नेशनल इंटीग्रेशन, दूसरी कक्षा के छात्रों द्वारा पंजाबी डांस, हिमाचल प्रदेश का नाटी, हरियाणा का फोक डांस, पंजाब का गिद्दा, जम्मू की डोगरी, उत्तराखंड का शरारा सहित अन्य राज्यों की मनमोहक प्रस्तुति दी गयी। वहीं, स्कूल के प्रबंध निदेशक डॉक्टर प्रवीण राजपूत द्वारा सभी अतिथियों का आने पर स्वागत व अभिनंदन किया। स्कूल के प्रधानाचार्य सुरेश शर्मा द्वारा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। वहीं, विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे छात्रों को ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया गया। मुख्यातिथि विधायक संजय रत्न द्वारा छात्रों की बेहतरीन प्रस्तुति देने पर अध्यापकों सहित स्कूल प्रबंधन की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। विधायक ने कहा कि एनुअल डे हर एक स्कूल छात्र के लिए खास दिन होता है, जहां बच्चे सीखने के साथ सिखाते भी हंै। बच्चों के लिए यह सबसे बेहतरीन मंच हैं। इस दौरान दिल्ली कान्वेंट स्कूल अंब के प्रधानाचार्य रश्मि राजपूत , सुनहेत से गुंजन परमार, सुरानी से निशित शर्मा, पूर्व प्रधान हिरण प्रदीप मनकोटिया, देहरा कॉलेज के प्रोफेसर डॉक्टर कर्ण पठानिया, ज्वालामुखी नगर परिषद के मनोनीत पार्षद सुरेंद्र चौधरी व अन्य उपस्थित रहे।
विजिलेंस की टीम ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक इंजीनियर को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला हिमाचल के जिला कुल्लू के भुंतर कर है। मामला बुधवार सुबह करीब 11 बजे का बताया जा रहा है। एनएचएआई का यह इंजीनियर किसी काम के एवज में यह रिश्वत ले रहा था। विजिलेंस कुल्लू ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर इंजीनियर को रंगे हाथ पकड़ा है। पुष्टि करते हुए डीएसपी अजय कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
-आयुष तथा खेल विभाग देने के लिये मुख्यमंत्री का जताया आभार आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री, यादविंदर गोमा ने बुधवार को पंचरुखी में जनसमस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का निपटारा मौके पर ही कर दिया और शेष समस्याओं को शीघ्र निपटारे के लिये अधिकारियों को आदेश दिये। गोमा ने कहा कि आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय की जिम्मेदारी उन्हें मुख्यमंत्री और शीर्ष नेतृत्व ने सौंपी है। इसे बखूबी निभायेंगे और पूरी क्षमता से प्रदेश के लोगों की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार, व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही है और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिये कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, चिकित्सा की प्राचीन और कारगर उपचार पद्धति है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर तक सरकार आयुर्वेद स्वास्थ्य सुविधायें उपलब्ध करवा रही है और आने वाले समय इसे ओर मज़बूत किया जायेगा।उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में बहुत महत्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के लिये मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। गोमा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विभाग आवंटित करने के लिए धन्यवाद किया और कहा कि जो भी इन्हें ज़िम्मेवारी दी है उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।
भारतीय वायु सेना में अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु प्रवेश चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 17 जनवरी को प्रात: 11 बजे से आरंभ होगा। यह जानकारी 1 एयरमेन सिलेक्शन सेंटर, एयरफोर्स, अंबाला कैंट के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर एसवीजी रेड्डी ने दी। रेड्डी ने कहा कि पात्र उम्मीदवार 17 जनवरी प्रात: 11 बजे से 6 फरवरी, की रात्रि 11बजे तक भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु चयन परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पंजीकरण के लिए वेबपोर्टल https://agnipathvayu.cdac.in का उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना में अग्निवीर वायु के लिए ऑनलाइन परीक्षा 17 मार्च से आरंभ होगी। विंग कमांडर एसवीजी रेड्डी ने कहा कि भारतीय वायु सेना ने अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर वायु प्रवेश चयन परीक्षा के लिए अविवाहित भारतीय पुरुष और महिला उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। उन्होंने कहा कि 2 जनवरी, 2004 से 2 जुलाई, 2007 के मध्य जन्मे उम्मीदवार इस परीक्षा के लिए पात्र हैं। उन्होंने कहा कि 1 एयरमेन सिलेक्शन सेंटर अंबाला द्वारा हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, जम्मू एवं कश्मीर और लद्दाख के पात्र युवाओं के लिए इस भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। विंग कमांडर एसवीजी. रेड्डी ने कहा कि पात्र उम्मीदवार इस संबंध में पूरी जानकारी वेबपोर्टल https://agnipathvayu.cdac.in पर प्राप्त कर सकते हैं।
राष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य पर 12 जनवरी को युवा सेवा एवं खेल विभाग द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पलौहड़ा, जवाली में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन किया जा रहा है। जानकारी देते हुए कार्यकारी जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी सन्नी कुमार ने बताया कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानन्द जयंती के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी राष्ट्रीय युवा दिवस पर विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियों व कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष युवा मुद्दों पर आधारित थीम पर वाद-विवाद, चित्रकला, निबंध लेखन और हस्तशिल्प प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा देश भक्ति व लोक गीत की समूह गान स्पर्धा भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के युवा इस आयोजन में होने वाली विभिन्न गतिविधियों और स्पर्धाओं के भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पलौहड़ा, जवाली में आयोजित की जाने वाली उक्त गतिविधियों में भाग लेने के लिए जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा अपना नाम जिला युवा एवं खेल विभाग कार्यालय धर्मशाला में भेजना सुनिश्चित करें।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की अपर लंबागांव शाखा ने नाबार्ड के सौजन्य से गांव तलवाड़ झूंगा देवी में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इसमें शाखा प्रबंधक साहिल जैन ग्राम पंचायत प्रधान रेनू वार्ड सदस्य स्वर्ण देवी रिशला डोगरा अनिता कुमारी बीडीसी तथा वेटरनिटी हॉस्पिटल तलवाड़ से डॉक्टर सुनीत राणा असिस्टेंट विनय शर्मा ग्रामीण रोजगार वर्कर नेहा एवं अन्य ग्रामीण लोग उपस्थित रहे। इसमें एसएचजी लोन, कृषि लोन, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना तथा एटीएम फ्रॉड से बचने की जानकारी दी गई। साथ ही समय-समय पर आरबीआई द्वारा दिए गए निर्देशों के बारे में भी बताया गया।
-जेबीटी बैचवाइज भर्ती का रिजल्ट जल्द निकालने की उठाई मांग जेबीटी प्रशिक्षु संघ का एक प्रतिनिधिमंडल ने आज नादौन में मुख्यमंत्री शिष्टाचार भेंट की और उन्हें मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा, जिसने उन्होंने जेबीटी बैचवाइज भर्ती का रिजल्ट जल्दी निकलवाने की मांग रखी। प्रशिक्षुओं के अनुसार इसकी बैचवाइज भर्ती नवंबर 2023 में हुई थी और रिजल्ट भी तैयार है, परंतु कोर्ट के मामलों के चलते हुए हाई कोर्ट ने इस भर्ती के रिजल्ट पर बिना कोर्ट की अनुमति के निकालने से इनकार किया हुआ है। प्रशिक्षुओं ने सरकार से मांग की कि वो कोर्ट से जल्द रिजल्ट निकलवाने की अनुमति लें। जेबीटी संघ के प्रदेश महासचिव जगदीश परयाल ने बताया किप्रदेश में जेबीटी ओर बीएड के काफी लंबे विवाद के बाद जेबीटी की भर्ती हुई है, जिससे जेबीटी को काफी राहत पहुंची है, परंतु सरकार को जल्द से जल्द जेबीटी भर्ती का रिजल्ट निकालना चाहिए, ताकि प्रदेश के जेबीटी प्रशिक्षुओं के समय की बचत हो और प्रदेश में खाली पड़े स्कूलों में अध्यापकों की कमी को पूरा किया जा सके। परयाल ने बताया कि जेबीटी कमीशन जो कि नवंबर, 2022 में 467 पोस्ट के लिए आवेदन लिए गए थे, उसका कोई पता नहीं है। सरकार को जल्दी कमीशन के माध्यम से भी भर्ती शुरू करनी चाहिए। प्रदेश सरकार को बैचवाइज भर्ती का परिणाम जल्द से जल्द घोषित कर देना चाहिए। मुख्यमंत्री से मिलने वालों में बीकी चौधरी, तमरी भाटिया, डिमपल, दीपक, सोनल, राजेश, कुलदेव, बकेश आदि जेबीटी प्रशिक्षु शामिल थे।
-44.46 करोड़ की पेयजल परियोजना में होगा अत्याधुनिक यूवी फिल्टर तकनीक का इस्तेमाल 43.06 करोड़ के पर्यटन विकास निगम के होटल का भी किया शिलान्यास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर की नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए चार विकासात्मक परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने नादौन शहर के लिए चौबीस घंटे पेयजल की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 44.66 करोड़ की लागत से बनने वाली परियोजना का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के निर्माण कार्य इस वर्ष गर्मियों से पहले पूरा कर लिया जाएगा, जिससे नगर पंचायत नादौन के सभी सात वार्डों के निवासियों को चौबीस घंटे पेयजल आपूर्ति की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस योजना में अत्याधुनिक यूवी फिल्टर तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। सीएम सुक्खू ने 43.06 करोड़ की लागत से नादौन में बनने वाले हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटल का शिलान्यास भी किया, जिसे जुलाई 2025 तक बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह होटल पर्यटकों को सुविधा प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने गगाल में 6.54 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह तथा जलाड़ी में 14.02 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मॉडल करियर एवं स्किल सेंटर की आधारशिला भी रखी। स्किल सेंटर जून, 2025 तक बनकर तैयार कर लिया जाएगा। जल्द बनाए जाएंगे इन्फ्रास्ट्रक्चर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग मंत्रियों को विभाग आवंटित करने के सवाल पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नए बनाए गए मंत्रियों को विभाग सौंप दिए गए हैं तथा जिन मंत्रियों से विभाग लिए गए हैं, उन्हें उनके मौजूदा विभागों के अनुसार नए बनाए जा रहे विभाग दिए जाएंगे। कुछ विभाग लेने से मंत्रियों में कोई नाराजगी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विभागों का पुनर्गठन करने जा रही है तथा आने वाले समय में कुछ नए विभाग बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन्फ्रास्ट्रक्चर विभाग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विभाग बनाए जाएंगे ताकि निर्णय लेने में आसानी हो सके और राज्य सरकार का कामकाज सुचारू रूप से चल सके। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार के उपक्रम वाटर सेस का विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही बीबीएमबी के 4300 करोड़ रुपए केंद्र सरकार के पास फंसे हैं, जिसे केंद्र सरकार जारी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि लुहरी, सुन्नी तथा धौलासिद्ध जल विद्युत परियोजनाओं में हिमाचल प्रदेश के हितों का ध्यान नहीं रखा गया और प्रदेश के हितों को पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में बेचा गया। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने सेरा विश्राम गृह में जन समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल सांगला ने विद्युत उपमंडल सांगला के तहत आने वाले सरकारी/गैर-सरकारी व अन्य सभी उपभोक्ताओं, जिन्होंने अभी तक अपने विद्युत बिलों की अदायगी नहीं की है से आग्रह किया है कि वे 15 दिनों के भीतर अपने बकाया विद्युत बिलों की अदायगी सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि अन्यथा ऐसे सभी विद्युत उपभोक्ता जो 15 दिनों के भीतर अपने बिलों की बकाया राशि को जमा नहीं करेंगे, उनकी विद्युत आपूर्ति बिना किसी पूर्व सूचना के काट दी जाएगी।
-पेमेंट नहीं मिलने के कारण कंपनी ने बंद किया काम हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में स्थापित क्रसना लैब ने आज से टेस्ट और एक्स-रे करना बंद कर दिया है, जिससे आज सुबह से ही लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पतालों में पैथोलॉजी टेस्ट और एक्स-रे के लिए अनुबंधित कंपनी क्रसना कंपनी ने पेमेंट नहीं मिलने के कारण काम बंद किया है। दो जिलों लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में मरीज टेस्ट करवाने के लिए भटकने को मजबूर हो गए हैं। दरअसल, सभी अस्पतालों में दोपहर 12 बजे तक सरकारी लैब में टेस्ट होते है। इसके बाद क्रसना लैब टेस्ट करती है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में भी लैब द्वारा सेेवाएं बंद करने से मरीजों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में आए मरीजों ने कहा कि कुछ मरीज तो निजी लैब में टेस्ट करवाने के लिए जा रहे हंै, लेकिन हर मरीज निजी लैब की फीस नहीं दे सकता। सरकारी अस्पताल में जो टेस्ट फ्री में होने थे, अब उन्हें करवाने के लिए उन्हें निजी लैब में 1800-1900 रुपये देने पड़ेंगे।
युवा शक्ति मंडल की ओर से नवी मुंबई में 21वीं विशाल माता की चौकी का आयोजन हर्षोउल्लास से किया गया, जिसमें जम्मू की मशहूर गायिका सर्स भारती ने एक से बढ़कर एक माता के भजनों से भक्तों को निहाल किया। युवा शक्ति मंडल नेरुल नवी मुंबई के सदस्य मुकेश शर्मा, विवेक शर्मा,अजय शर्मा, रोहित शर्मा, अभिषेक, किशोर, बली एवं भक्तों द्वारा बहुत ही भव्य तरीके से चाकी का आयोजन किया गया। युवा शक्ति मंडल में हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों से संबंधित व्यक्ति, जो कि मुंबई में रहते हैं, उन्होंने इस भव्य आयोजन में भाग लिया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रवीण सिंह को तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2022 से सम्मानित होने पर बधाई दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा यह पुरस्कार उन्हें मंगलवार को नई दिल्ली में प्रदान किया गया। कांगड़ा जिला से संबंधित प्रवीण सिंह बीएसएफ में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं। प्रवीण सिंह माउंट एवरेस्ट और माउंट कंचनजंगा को दो बार फतह करने के साथ-साथ 20 से अधिक हिमालयी चोटियों पर सफलतापूर्वक पर्वतारोहण कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि साहसिक खेलों में प्रवीण की उल्लेखनीय उपलब्धियां दूसरे लोगों के लिए प्रेरक हैं और सभी को कड़ी मेहनत तथा समर्पण के बल पर अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करती हैं।
हिमाचल प्रदेश पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर संगठन के सचिव सुमित कुमार ने कैबिनेट मंत्री यादविंदर गोमा को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा गया कि शिक्षा विभाग में प्राइमरी व मिडिल स्कूलों में करीब 7000 पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर कार्यरत हैं। ये कर्मचारी सुबह 8:30 बजे से 3:30 बजे तक सेवाएं दे रहे हैं। इन कर्मचारियों ने सरकार से मांग की है कि इनके लिए स्थाई पॉलिसी बनाई जाए। उन्होंने कहा कि अधिकतर कर्मचारी विधवा, विकलांग, अनाथ व अति निर्धन परिवारों से संबंधित हैं, अधिकतर कर्मचारी 40 वर्ष की आयु से अधिक उम्र के हैं, जिन्हें सरकार समय रहते नियमितीकरण का लाभ दे। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि जल्द से जल्द मिडल स्कूलों में कार्यरत पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर को सैलरी दी जाए।
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के गगल हवाई अड्डे के विस्तार के लिए प्रस्तावित पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन योजना पर प्रदेश हाई कोर्ट ने रोक लगा दी है। अदालत ने यह रोक मामले की अगली सुनवाई तक लगाई है। विस्तारीकरण के लिए प्रस्तुत की गई सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन रिपोर्ट, विशेषज्ञ समूह रिपोर्ट और तकनीकी आर्थिक व्यवहार्यता रिपोर्ट को उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई थी। मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद राव और न्यायाधीश ज्योत्सना रिवाल दुआ की खंडपीठ ने स्पष्ट किया, चूंकि इस बात की संभावना है कि प्रदेश सरकार मामले के सभी पहलुओं की जांच करने के बाद गग्गल हवाई अड्डे के विस्तार को आगे बढ़ाने के अपने फैसले पर दोबारा विचार कर सकती है और ऐसी स्थिति में शुरू की गई आरएंडआर प्रक्रिया में लगने वाला समय और खर्च बर्बाद हो जाएगा। हाई कोर्ट ने आदेश दिए कि मामले की बगली सुनवाई तक आरएंडआर प्रक्रिया के साथ-साथ भूमि के अधिग्रहण एवं विध्वंस के लिए अधिसूचित भूमि पर कब्जा लेने के संबंध में यथास्थिति रखी जायेगी। मामले में अगली सुनवाई 29 फरवरी को होगी।
-समग्र शिक्षा अभियान के तहत शिक्षकों को प्रशिक्षण देने का काम शुरू राज्य के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी अब चैटबॉट से घर बैठे अभ्यास कर सकेंगे। ग्रीष्मकालीन स्कूलों के शिक्षकों को समग्र शिक्षा अभियान कार्यालय ने इस बाबत प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना कार्यालय के विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) कक्ष में इस बाबत बीते दिनों एक वर्चुअल मीट भी हुई है। इसमें हिमाचल प्रदेश के ग्रीष्मकालीन स्कूल प्रमुखों और शिक्षकों को एक साथ लाया गया। प्रशिक्षण स्टार्स नोडल अधिकारी सुरेंद्र रंगटा ने स्टार्स परियोजना में कॉन्वेजीनियस संस्था के सहयोग से संचालित किया। प्रशिक्षण का फोकस शिक्षकों को विद्या समीक्षा केंद्र में स्विफ्टचैट ऐप पर उपलब्ध स्टूडेंट लर्निंग चैटबॉट के बारे में उन्मुख करना रहा। राज्य के सभी 12 जिलों से करीब 175 शिक्षक और यूूट्यूब पर 1,200 समवर्ती दर्शक प्रशिक्षण में शामिल हुए। वीडियो, क्विज और कहानियों से बच्चों को हिंदी, अंग्रेजी और गणित विषय समझाए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि गणित विषय के लिए चैटबॉट के माध्यम से कक्षा 1 से 12 तक के छात्र विषय से संबंधित हर अध्याय पर घर पर अभ्यास कर सकते हैं।
** हिमाचल में चल रही हैं 173 जल विद्युत परियोजनाएं ** अब तब केवल 35 ने ही जमा करवाया है वाटर सेस हिमाचल जल आयोग ने वाटर सेस जमा न कराने पर 20 और बिजली कंपनियों को नोटिस जारी किए हैं। इन कंपनियों को 15 जनवरी तक बिल जमा करने को कहा है। अगर वाटर सेस जमा नहीं कराया तो आयोग की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि हिमाचल में कुल 173 बिजली परियोजनाएं चल रही हैं। अब तक आयोग के पास 35 परियोजनाओं से वाटर सेस जमा हुआ है। सरकारी उपक्रम की 25 बिजली परियोजनाओं ने करीब 27 करोड़ रुपये जमा करा दिए हैं। गौरतलब है कि हिमाचल की सुक्खू सरकार ने प्रदेश की आर्थिकी को पटरी पर लाने के लिए ऊर्जा उत्पादकों पर वाटर सेस लगाने का फैसला लिया है। पहले सरकार ने प्रति घन मीटर 0.10 रुपये से 0.50 रुपये तक वाटर सेस वसूलने का फैसला लिया था, अब इसे घटाकर 0.06 से लेकर 0.30 रुपये प्रति घन मीटर किया गया है। वाटर सेस की दरें वसूल करने के लिए अलग-अलग टैरिफ बनाया गया है।
** अनुबंधित कंपनी क्रसना ने पेमेंट न होने पर काम किया बंद ** 700 अस्पतालों में 12 बजे के बाद पैथोलॉजी टेस्ट ** 115 अस्पतालों में एक्स-रे नहीं होंगे हिमाचल प्रदेश के मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में आज से मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ेगी। अस्पतालों में पैथोलॉजी टेस्ट और एक्स-रे के लिए अनुबंधित कंपनी क्रसना ने पेमेंट नहीं मिलने के कारण काम बंद कर दिया है। इससे 700 अस्पतालों में 12 बजे से पैथोलॉजी टेस्ट और 115 अस्पतालों में दोपहर से एक्स-रे नहीं होंगे। दरअसल, सभी अस्पतालों में दोपहर 12 बजे तक सरकारी लैब में टेस्ट होते है। इसके बाद प्राइवेट क्रसना लैब टेस्ट करती है।
-खनियार खास स्कूल के वार्षिक उत्सव में मेधावी बच्चों को किया पुरस्कृत विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि राज्य में 500 प्राथमिक पाठशालाओं, 100 उच्च पाठशालाओं तथा 200 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को पठन और पाठन की बेहतर सुविधा मिल सके। मंगलवार को विधायक सुधीर शर्मा ने कैप्टन राम सिंह ठाकुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खनियारा खास के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कहा कि कि प्रत्येक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में लाइब्रेरी रूमस स्थापित किए जाएंगे इसके साथ ही दस हजार मेधावी छात्रों को टेबलेट्स दिए जाएंगे। उन्होंने कि वर्तमान शिक्षा में व्यापक सुधार के लिए कारगर कदम उठा रही है तथा विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन काल में ही अनुशासन और मेहनत के साथ लक्ष्य की तरफ बढ़ने के लिए बच्चों को तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में हम जिस तरीके हम स्वयं ढालेंगे उसी तरह से हमार भविष्य निर्मित होगा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों को पाठ्यक्रम के साथ साथ नैतिक मूल्यों की शिक्षा देना भी अत्यंत जरूरी है ताकि एक अच्छे समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर जन गण मन की धुन के रचयिता कैप्टन राम सिंह ठाकुर को भी याद करते हुए कहा कि देश निर्माण में उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी द। इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य एसके शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए स्कूल की वार्षिक गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा नशा एक अभिशाप थीम पर आधारित लघु नाटिका भी प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने मेधावी बच्चों को पुरस्कृत भी किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए अपनी ऐच्छिक निधी से 21 हजार की राशि भी प्रदान की गई। पास्सू स्कूल के नए भवन के लिए डीपीआर तैयार करने के दिए हैं निर्देश इससे पहले विधायक सुधीर शर्मा ने सीनियर सेकेंडरी स्कूल पास्सू के वार्षिक उत्सव में बतौर मुख्यातिथि अपने संबोधन में कहा कि सीनियर सेकेंडरी स्कूल पास्सू में नया भवन निर्मित किया जाएगा। इस के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधा मिल सके। सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। पास्सू में बनेगा ओबीसी भवन उन्होंने कहा कि पास्सू पंचायत में ओबीसी का भवन का कार्य जल्द शुरू करवाया जाएगा। इसके साथ ही पास्सू पंचायत में मांझी खड्ड के तटीकरण कार्य के लिए दस करोड़ की राशि मुहैया करवाई जाएगी, ताकि बरसात के दौरान होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।


















































