ज्वालामुखी उपमंडल के तहत ग्राम पंचायत पीहड़ी में उद्यान विभाग देहरा से डॉक्टर आरती धीमान उद्यान प्रसार अधिकारी द्वारा भगवानों को किसानों को 750 फलदार पौधे वितरित किए गए। इनमें आम, लीची, नागपुरी संतरा, कागजी नींबू, बारहमासी नींबू, अनार, कटहल, आंबल इत्यादि प्रमुख के पौधे थे। उद्यान विभाग देहरा सेठ डॉ. आरती धीमान ने बताया कि आज ये फलदार पौधे ग्राम पंचायत पीहड़ी, खुंडियां, सुरानी में वितरित किए गए। विभाग ने किसानों की स्कीमों के बारे में भी जानकारी दी।
उपमंडल बंगाणा के गोबिंद सागर झील के लाठियानी मदली घाट पर पुलिस को पानी में तैरता हुआ पत्थर मिला। पुलिस जवान उक्त पत्थर को थाना ले आए हैं। इस पत्थर को देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है। थाना बंगाणा के एएसआई रविंद्र, होम गार्ड तिलक टीम सहित गोबिंद सागर झील के लाठियानी मदली घाट पर वीरवार देर शाम गश्त करने पहुंचे और उन्होंने देखा कि झील के मध्य कुछ तैर रहा है। पुलिस जवान किश्ती के माध्यम से यहां तक पहुंचे। पत्थर को पानी में तैरता देख पुलिस जवान भी हैरान हो गए। वे पत्थर को थाना बंगाणा ले आए। पत्थर को पानी की भरी बाल्टी में डाला तो यह बाल्टी में भी तैरने लगा। तैरते हुए पत्थर के बारे में सुनकर लोग थाना बंगाणा में पहुंच गए। पत्थर का बजन किया तो यह पौने तीन किलो निकला। जनता इस पत्थर को राम सेतू से जोड़ रही है। थाना बंगाणा के एएसआई रविंद्र ने बताया कि झील के लाठियानी घाट पर उक्त पत्थर पानी में तैरता हुआ मिला है। पत्थर कैसे तैर रहा है, इसका रहस्य केवल भगवान ही जानते हैं।
करसोग के प्रसिद्ध देवसथल आदिशक्ति जगतजननी मां दुर्गा भगवती चिंडी (चरकंठ) मेला हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 2 से 4 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा। मेले का आरंभ 2 अगस्त, को माता चिंण्डी के भव्य रथ, छत्र, बाजा बजंत्री व कारदारों के आगमन के साथ होगा। वहीं हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इस मेले की शोभा बढ़ाने के लिए व्यापारियों द्वारा मेला मैदान में दुकानें सजाई जाएंगी। गौरतलब है कि माता के प्रति भक्तों में अपार श्रद्धा भक्ति है जिस कारण मेले के समय में दूर-दूर से श्रद्धालु आकर माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। 4 अगस्त को मेले का समापन माता रानी जी की अलौकिक विदाई के साथ होगा।
नादौन विधानसभा क्षेत्र गोइस पंचायत के खोरड गांव के पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने डीसी से मिलकर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की मांग को उठाया। शिष्टमंडल में अमृत कुमारी, नायब सूबेदार प्रीतम सिंह, नायब सूबेदार विधि सिंह का कहना है कि उन्होंने 7 जुलाई को जिला प्रशासन से इस मांग को उठाया था और जो सेना नौकरी के दौरान उन्हें मेडल मिले थे उन्हें लौटाने को लेकर डीसी कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन वहां से अति शीघ्र सड़क का निर्माण कार्य शुरू करने का आश्वासन मिलने के बाद मेडल वापस न करने का निर्णय लिया था। ग्रामीणों का कहना है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी सड़क निर्माण कार्य अभी तक शुरू ही नहीं हो पाया है केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने डीसी से मांग उठाई है कि उनकी इस बड़ी समस्या का हल जल्द निकाला जाए और संबंधित विभागों को सड़क निर्माण के आदेश जारी किए जाएं, ताकि लोगों की समस्या हल हो सके। ग्रामीणों का कहना है कि 2 साल में एंबुलेंस रोड का काम शुरू न होने के कारण जो बजट आया था वह लैप्स हो गया।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शिमला शामलाघाट के प्रशिक्षुओं को दक्षता का पाठ पढ़ाया गया। गत 24 जुलाई से चल रहे पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन शुक्रवार को हुआ। इस दौरान यहां के प्रशिक्षुओं को हर पहलुओं के बारे जानकारी दी गई। खास कर एक अध्यापक की भूमिका और दक्षता के बारे अवगत करवाया गया। डाइट में प्रोग्राम एंड एक्टिविटी को-ऑर्डिनेटर आशा जोक्टा ने बताया कि यहां आयोजित पांच दिवसीय पांच दक्षता निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ 24 जुलाई को ज़िला परियोजना अधिकारी जय देव नेगी के द्वारा किया गया,जो शुक्रवार को संपन्न हुआ। कार्यशाला के दौरान जयदेव नगी ने 21वीं शताब्दी में शिक्षक की भूमिका के बारे में जानकारी दी। प्रोग्राम एंड एक्टिविटी को-ऑर्डिनेटर आशा जोक्टा के अनुसार इस कार्यशाला में बतौर स्रोत व्यक्ति नरेश छाजटा(सांकेतिक भाषा ), कृष्ण गज़टा (कक्षा कक्ष प्रबंधन), आंचल आर्य (अंग्रेजी भाषा), राजेश झाल्टा (अभिप्रेरणा ), वीरेंद्र शर्मा (सुलेखन ) और प्रवीण मेघटा ने वर्तमान समय में कंप्यूटर की भूमिका पर प्रशिक्षुओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दक्षता निर्माण कार्यशाला से प्रशिक्षु बहुत लाभांवित हुए। कार्यक्रम के अंतिम दिन निरुपमा धंजल ने प्रशिक्षुओं को हेल्थ एंड वैलनेस की विस्तृत जानकारी दी।
प्रदेश भाजपा के राज्य प्रवक्ता विवेक शर्मा ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 11,27,80,670 किसानों को प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की 14वीं किस्त जारी की, वहीं सभी जिलों, कस्बों, बड़े बाजारों में 137 किसान समृद्धि केंद्रों का शुभारंभ भी किया। ये केंद्र वन स्टॉप शॉप के रूप में किसानों के लिए एक छत के नीचे सब सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दृष्टि से कार्य करेंगे। बीज से लेकर खाद तक उपकरणों से लेकर लाभार्थी योजनाओं तक मिट्टी प्रशिक्षण से लेकर नवीनतम पैकिंग तकनीक तक। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल किसान मोर्चा, प्रदेश के समस्त कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा अगर प्रदेश कि कांग्रेस सरकार को वास्तविकता में प्रदेश के किसानों बागवानी के प्रति संवेदनशील है तो अवश्य ही इस योजना को नीचे तक पहुंचाने में कांग्रेस के नेता सहयोग करेंगे। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश की माता और बहनों के खातों में कांग्रेस की प्रदेश सरकार द्वारा 1500 रुपये की गारंटी वाली राशि की फाइल कहां पहुंची कृपया सरकार बताए। गोबर खरीद केंद्र कहां खोले जा रहे हंै, उसकी भी सूची कांग्रेस सरकार को जारी करनी चाहिए, अन्यथा प्रदेश को भ्रमित करने के लिए कांग्रेस के नेताओं को माफी मांगनी चाहिए।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा इस वर्ष अपना 50वां स्थापना वर्ष मना रहा है। इसी उपलक्ष्य में कॉलेज में आज जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर का संचालन भगवान बुद्ध चेरिटेबल ब्लड सेंटर के चिकित्सा दल ने महाविद्यालय के स्वयंसेवियों की सहायता से किया। शिविर का आयोजन वरिष्ठ नागरिक फोरम देहरा द्वारा किया गया। शिविर में साठ से अधिक छात्रों एवं शिक्षकों ने रक्तदान किया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजू रानी ने महाविद्यालय में पधारे सभी वरिष्ठ नागरिकों तथा चिकित्सा दल का तहे दिल से स्वागत किया व इस शिविर के आयोजन के लिए उनका धन्यवाद भी किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रथम एवम पूर्व प्राचार्य वीएस पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस शिविर में महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब, एनसीसी, एनएसएस तथा महाविद्यालय की रोवर रेंजर इकाई के छात्रों ने अपना योगदान दिया। शिविर में विशेषकर वरिष्ठ शिक्षक डॉ. स्वादीप सूद, प्रो सुशील भारद्वाज, प्रो कारण पठानिया, प्रो संजीव जसवाल, प्रो पीतांबर सिंह, प्रो वंदना राणा, प्रो शर्मिता पठनिया, डॉ. कपिल सूद, प्रो राजीव ठाकुर, प्रो धर्मेंद्र सिंह, प्रो निर्मल, प्रो कनिष्क, डॉ. सुरेश राणा एवं डॉ. आरती कौशल ने विशेष योगदान दिया। महाविद्यालय प्राचार्या ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र एवं समृति चिन्ह से सम्मानित किया तथा छात्रों से भविष्य में भी रक्तदान करने का आह्वान किया।
पंचायत में हुए विकास की सराहना की स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने नौणी पंचायत का निरीक्षण किया। टीम ने स्वच्छ भारत मिशन निधि से हुए कार्यों की जांच की। इसके अलावा टीम ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत बनें नलों तथा शौचालयों का निरीक्षण भी किया। स्वच्छ भारत मिशन निधि से बने शौचालयों का भी निरीक्षण किया तथा श्रेष्ठ गुण लता युक्त कार्य की सराहना की। पंचायत प्रधान मदन हिमाचली, उप प्रधान हरदेव सिंह वार्ड मेंबर अनीता, विद्या, नरेंद्र व शिवचरण ने टीम का अभिनंदन किया। टीम ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शमरोड में भी स्वच्छता की जांच की, जहां प्रधानाचार्य पुनम कालटा तथा स्टाफ द्वारा टीम का स्वागत किया गया। उन्होंने कूड़ा संयंत्र को भी देखा। स्वच्छता मूल्यांकन टीम में भारत सरकार की ओर से जूनैद उस्मानी ग्रामीण विकास मंत्रालय हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से अजय शर्मा जिला प्रशासन सोलन की ओर से खेम राज बीडीओ ऑफिस सोलन की ओर से रीना शर्मा ने भाग लिया। सभी सदस्यों ने पंचायत में हुए विकास की सराहना की और बताया कि यह मॉडल पंचायत बन चुकी है। वहीं, पूर्व प्रधान बलदेव सिंह ने भी 15 वर्षों में हुए विकास की टीम को विस्तृत जानकारी दी।
राजस्व, बागवानी व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक कुलदीप राठौर, व नंद लाल के साथ ठयोग, कुमारसेन विधानसभा हलके के माधावानी गांव में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, बगीचों, मकानों को हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को भी सुना। बागवानी मंत्री व शिक्षा शिक्षा मंत्री ने कुमारसैन के साथ ननखड़ी व रामपुर क्षेत्र के खोलीघाट सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया व राहत कार्यो का जायज़ा लिया। आपदा पुनर्वास समिति अध्यक्ष राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी अधिकारियो को राहत कार्यों में तेजी लाने का आदेश दिया व विभाग को भारी बरसात मे हुए निजी अथवा सामुदायिक नुकसान का सही आंकलन जल्द करने का भी आश्वासन दिया है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर लगातार जारी है। नेशनल हाईवे पांच रामपुर की ब्रौनी खड्ड में भूस्खलन से फिर बंद हो गया है। इससे किन्नौर जिले व सीमावर्ती क्षेत्रों का अन्य भागों से सड़क संपर्क कट गया है। वहीं, आसपास के हजारों लोगों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। भारी बारिश के चलते हाईवे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। गुरुवार को ही ब्रौनी खड्ड और पशाडा खड्ड के पास भूस्खलन से बंद एनएच पांच 12 घंटों बाद यातायात के लिए बहाल हुआ था, लेकिन शुक्रवार को यह फिर बंद हो गया है। किन्नौर व शिमला जिले में लगातार जारी बारिश ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। किन्नौर में अधिकांश ग्रामीण सड़कों पर यातायात ठप है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से प्रदेश के कई भागों में 28 व 29 जुलाई के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 30 जुलाई से मौसम में कुछ सुधार की संभावना है। गुरुवार रात को कटौला मंडी में 118.3, धर्मशाला 76.2, करसोग 71.2, मंडी 63.3 और रामपुर में 49.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। शिमला में भी रात से बारिश हो रही है। 204 जलापूर्ति योजनाएं भी बाधित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में शुक्रवार सुबह 10 बजे तक जगह-जगह भूस्खलन से 466 सड़कें यातायात के लिए ठप थीं। शिमला जिले से सबसे ज्यादा 220 और कुल्लू में 115 सड़कें बंद हैं। वहीं, राज्य में 552 बिजली ट्रांसफार्मर भी बाधित हैं। इसी तरह 204 जलापूर्ति योजनाएं भी बाधित चल रही हैं। शिमला, कुल्लू व मंडी में सबसे ज्यादा बिजली ट्रांसफार्मर बाधित हैं।
कांगड़ा के साथ लगते वीरता गांव में शुक्रवार सुबह चार बजे बाइक चोरी करने का प्रयास करते हुए एक चोर को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। उक्त युवक वीरता गांव में स्थित दो पहिया वाहन सर्विस शॉप के बाहर खड़ी एक बाइक को चोरी करने का प्रयास करने लगा, तो दुकान के मालिक बबल ने उसे देख लिया तथा चोरी करने आए युवक को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन युवक गांव की ओर भाग गया। वहां गांववासियों के सहयोग से चोर को मौके पर पकड़ लिया गया तथा उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। उक्त युवक से मौके पर बाइक को चोरी करने के प्रयास में लाने वाले टूल को भी बरामद किया गया।
रक्तदाताओं को रक्त सेवा सम्मान से किया जाएगा सम्मानित जिला बिलासपुर के घुमारवीं में पंजीकृत नेहा मानव सेवा सोसायटी अपना 13वां रक्तदान शिविर बद्दी के निकट मलकू माजरा में स्थित हरे कृष्णा गौशाला में आयोजित करने जा रही हैं। यह रक्तदान शिविर स्वर्गीय अनुज बरूर की याद में आयोजित किया जा रहा है। यह रक्तदान शिविर थैलासीमिया बीमारी से पीड़ितों के लिए विशेष रूप से लगाया जा रहा है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय अनुज बरूर को भी थैलासीमिया की वजह से बेवक्त ही इस दुनिया को अलविदा कहना पड़ा था। थैलासीमिया से पीड़ित बच्चों का जीवन रक्तदानियों के सहयोग से ही बच पाता है। चंडीगढ़ पीजीआई की ब्लड बैंक टीम इस रक्तदान शिविर में थैलासीमिया पीड़ित बच्चों के लिए रक्त एकत्रित करने पहुंच रही है। रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को रक्त सेवा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। जिन रक्तवीरों ने 100 या इससे अधिक बार रक्तदान किया है उन्हें रक्त रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। रक्तदानियों के साथ-साथ शिविर में विभिन्न सेवाएं निभाने वाले सेवादारों को रिफ्रेशमेंट व भोजन की व्यवस्था भी की जा रही है। नेहा मानव सेवा सोसाइटी के संस्थापक एवम् सचिव पवन बरूर जी का सभी रक्तदानियोंं से विनम्र निवेदन है कि उनके नंबर 8219337757 पर अपना रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करवा लें, ताकि आपके आने जाने और खाने की उचित व्यवस्था की जा सके। नेहा मानव सेवा सोसाइटी ने अपील की है कि ज्यादा से ज्यादा रक्तदानी शिविर में पहुंचे और रक्तदान शिविर को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां कहा कि राज्य सरकार के अथक प्रयासों के फलस्वरूप प्रदेश में एक बड़े चिड़ियाघर की स्थापना के लिए केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) से पूर्व स्वीकृति प्राप्त हो गई है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के दृष्टिगत बड़े चिड़ियाघर की स्थापना एक महत्त्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा के बनखण्डी में बड़े चिड़ियाघर की स्थापना प्रदेश सरकार की महत्त्वाकांक्षी परियोजना है। केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की पूर्व स्वीकृति से सरकार की इस परियोजना को मूर्तरूप प्रदान करने में बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया है और राज्य सरकार के प्रयासों को साकार करने में यह परियोजना मील पत्थर साबित होगी। प्रधान मुख्य अरण्यपाल (वन बल प्रमुख) राजीव कुमार ने बताया कि केन्द्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण द्वारा जून, 2023 को बुलाई गई 108वीं तकनीकी समिति की बैठक के दौरान बड़े चिड़ियाघर की स्थापना के प्रस्ताव का गहन मूल्यांकन करने के उपरान्त, समिति ने इसकी स्थापना के लिए स्वीकृति प्रदान करने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि इस चिड़ियाघर में विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान कर प्रदेश और अन्य क्षेत्रों के मूल वन्य जीवों को रखा जाएगा। यह चिड़ियाघर पर्यटकों के लिए वन्य जीवों से जुड़ने, उनके प्राकृतिक व्यवहार और पारिस्थितिक महत्त्व की समझ विकसित करने के केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यह चिड़ियाघर वन्य जीव संरक्षण और उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करेगा।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- हर साल बनते हैं दवाइयों के लाखों बैच, कम गुणवत्ता वाली दवाओं की दर महज एक प्रतिशत हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल (रिटा.) धनी राम शांडिल ने हिमाचल में फार्मा कंपनियों द्वारा उत्पादित की जा रही दवाइयों की गुणवत्ता को लेकर लगातार उठ रहे आशंकाओं को दूर करने की पहल की है। शांडिल ने कांगड़ा दौरे के दौरान जारी बयान में कहा कि महज कुछ लोगों की वजह से पूरे प्रदेश के फार्मा उद्योग को बदनाम नहीं किया जाना चाहिए और जो भी लोग इस पर अनापशनाप बयानबाजी करते हैं वो तकनीकी तथ्यों से अनभिज्ञ है। ऐसे लोग तथ्यों की जानकारी बिना गलत बयानबाजी न करें क्योंकि इससे देश में हिमाचल की छवि खराब होती है। कर्नल शांडिल ने कहा कि प्रदेश में बन रही दवाइयां गुणवत्ता के सभी मानकों पर खरी उतरती हैं। हर साल प्रदेश की फार्मा कंपनियों से दवाइयों के लाखों बैच बिक्री के लिए निकलते हैं। शांडिल ने कहा कि दवाइयों की गुणवत्ता में कमी आने के कई कारण होते हैं। इनमें रखरखाव में कमी, उचित तापमान का अभाव , ट्रांसपोर्टेशन के दौरान हुई लापरवाही आदि शामिल हैं। ऐसे में हर दवाइयों की शुद्धता पर सवाल उठाना सही नहीं है। दवाओं की गुणवत्ता पर हायतौबा मचाने वाले पहले तकनीकी जानकारी हासिल करें तो बेहतर होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य ड्रग कंट्रोलर विभाग द्वारा प्रदेश में चल रही फार्मा कंपनियों में उत्पादन का नियमित निरीक्षण किया जाता है। कमी मिलने पर तुरन्त कार्रवाई होती है। कांग्रेस सरकार ने अपने सात माह के कार्यकाल में शिकायतें मिलने पर करीब 30 दवा निर्माताओं के लाइसेंस रद्द किए हैं। इतना ही नहीं, राज्य के दवा निरीक्षकों ने पहली बार अनियमितताएं बरतने वाले कई दवा निर्माताओं पर केस दर्ज करवाकर उन्हें गिरफ्तार भी करवाया है जिनकी संख्या 11 के आसपास है। शांडिल ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर एनएसक्यू दवाओं का प्रतिशत 3: के लगभग है जबकि उसके आगे हिमाचल का प्रतिशत कुछ भी नहीं है । फिर भी हम सख्त कदम उठा रहे हैं और आगे भी उठाएंगे । हिमाचल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की दवा कंपनियां काम कर रही हैं और इनकी वजह से हिमाचल का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है। कुछ काली भेड़ों की वजह से पूरे प्रदेश और यहां के उद्योगों को बदनाम करना सही नहीं है। शांडिल ने कहा कि वह आने वाले समय में सेहत महकमे को और सशक्त करेंगे। फील्ड में कार्यरत विशेषकर छापेमारी में संलग्न विभागीय अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाएगी। विभाग में किसी भी स्तर पर यदि कोई भी कमी पाई जाती है तो उसे शीघ्र दूर किया जाएगा।
राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त युनूस ने आज यहां बताया कि विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्रर्वाई करते हुए बरोटीवाला, टिपरा, कुल्हाड़ीवाला व सैन्सीवाला में छ: सदिग्ध स्थानों में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 के तहत छापामारी की। छापामारी के दौरान दो करियाना दुकानों से 80 बोतलें देशी शराब बरामद की गईं। बरामद की गई शराब चण्डीगढ़ में विक्रय के लिए थी। एक करियाना दुकान के सामने एक स्कूटी में से भी शराब की 14 बोतलें बरामद की गईं। बरोटीवाला क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की शिकायतों के मद्देनज़र यह कार्रवाई की गई और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाही जारी रहेगी। अप्रैल 2023 से 26 जुलाई, 2023 तक बीबीएन में अलग-अलग छापेमारियों में अवैध शराब के 19 मामले पकड़े गए जिसमें अब तक 1114.482 लीटर शराब बरामद व जब्त की गई है। आयुक्त ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पूरे प्रदेश में लगातार अभियान चलाया जा रहा है जिसमें विभिन्न जिलों व विशेष टीमों ने अलग अलग जगह कार्रवाई की गई है। आबकारी आयुक्त ने बताया कि विभाग ने प्रदेश में एक माह में अलग-अलग जगह से लगभग 750 पेटी अवैध शराब जब्त की है तथा विभिन्न धाराओं में 200 मामले आबकारी अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किए हैं। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को अवैध शराब के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए आमजन से भी आग्रह किया कि अवैध शराब से सम्बन्धित मामले नजर में आते ही विभाग के ध्यानार्थ लाएं। उन्होंने बताया कि विभाग ने मुख्यालय में कन्ट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है जो कि चौबीसों घंटे कार्य करेगा। इस संदर्भ में कोई भी शिकायत दूरभाष नम्बर 94183-31426 पर दर्ज करवाई जा सकती है।
उप मुख्यमंत्री ने ज्वालाजी मंदिर में नवाया शीश राज्य के शक्तिपीठ हर वर्ष लाखों श्रद्वालुओं को आकर्षित करते हैं। राज्य सरकार ने प्रदेश के प्रमुख मंदिरों को ई-कनेक्ट करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है जिससे भक्तों को घर बैठे ही दर्शन की सुविधा सुनिश्चित होगी। यह जानकारी उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार को ज्वालामुखी मंदिर में पूजा अर्चना करने के उपरांत दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य के मंदिरों, शक्तिपीठों में हवन, भंडारा और जागरण समारोहों के लिए आनलाइन बुकिंग की सुविधा प्रदान करने के लिए एक पायलट योजना आरंभ की है। इस डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से श्रद्वालु मंदिर के पुजारियों से भी जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रियों के अनुभवों को और सुखद बनाने के लिए सरकार प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यीकरण तथा बुनियादी ढांचे के विकास पर भी कार्य कर रही है। श्रद्वालुओं को मंदिरों में विश्राम के लिए भी बेहतर सुविधाओं पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के तीर्थ स्थान पर्यटन का केंद्र बिंदु है तथा इसी दृष्टि से मंदिरों को विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है ताकि तीर्थाटन के साथ साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल सकें। उन्होंने कहा कि ज्वालाजी मंदिर हिमाचल का एक प्रमुख शक्तिपीठ है तथा इसे सुनियोजित तरीके से विकसित किया जाएगा ताकि श्रद्वालुओं को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं आए। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कला तथा लोक संस्कृति के संरक्षण के लिए भी सरकार कारगर कदम उठा रही है इस बाबत हिमाचल की विभिन्न कलाओं को देश भर में पहचान दिलाने के लिए सार्थक पहल की है।
असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी) जिला नगरोटा बागवां की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नितेश सूद ने की। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश चेयरमैन राजीव राणा ने शिरकत की। बैठक में राजीव राणा ने कहा कि प्रदेश का पहला असंगठित कामगार कर्मचारी कांग्रेस का ऑफिस कांगड़ा में खुलेगा, जिससे कांगड़ा जिला के मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को लाभ प्रदान किया जायेगा। राणा ने कहा मनरेगा कांग्रेस की देन ह और केंद्र की अंधी बहरी मोदी सरकार द्वारा मनरेगा बजट में कटौती करना, यह साबित करता है कि ये सरकार आम जनता की विरोधी है। राणा ने समस्त पदाधिकारियों को आदेश दिया कि शीघ्र ही असंगठित कामगार कर्मचारी कांग्रेस (केकेसी ) को शोशल मिडिया के माध्यम से घर घर तक पहुंचाया जायेगा, साथ ही ऑनलाइन सदस्यता के माध्यम से संगठन को मज़बूत किया जायेगा। राणा ने कांगड़ा को पर्यटन की दृष्टि से बढ़ावा देने के लिये सुक्खू सरकार का धन्यवाद किया। राणा व समस्त पदाधिकारियों ने पूर्व मंत्री जीएस बाली को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि जीएस बाली का प्रदेश और कांगड़ा की राजनीती में अहम योगदान रहा है और वह हमेशा हिमाचलियों के दिलों में राज करेंगे।
संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री ने कहा कि सिरमौर जिला में पिछले एक माह से लगातार हो रही भारी बारिश से जिला में करीब 283 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि इसमें मुख्यत सड़क, पुल, पेयजल, बिजली, कृषि, उद्यान, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि जन सेवाओं के अलावा आमजन के जान-माल का नुकसान भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के काराण जिला में बहुत भारी नुकसान हुआ है और सारा साल जनसेवाओं की बहाली में लग जायेगा। उद्योग मंत्री गुरुवार को नाहन में सिरमौर जिला में भारी बारिश के कारण हुये नुकसान की जिला के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। हर्षवर्धन चौहान ने जिला प्रशासन और सम्बन्धित विभागों को निर्देश दिए की जिला में राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाई जाये ताकि आम को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशा दिए की फील्ड स्तर पर जाकर स्वयं राहत एवं पुनर्वास कार्यों की देखरेख करें और आम लोगों को हुये नुकसान का मुआजवा जल्दी प्रदान करें। उद्योग मंत्री ने कहा कि जिला में लोक निर्माण विभाग को करीब 154 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। शिलाई क्षेत्र में 102 सड़कों में से 16 सड़कों को नुकसान हुआ और कुल नुकसान 55 करोड़ के करीब है। नाहन में 76 सड़कों में 16 सड़कें बंद हैं जिसमें 35 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राजगढ़ में 60 सड़कों में से 2 सड़कें बंद हैं करीब 10 करोड़ का नुकसान हुआ है। पांवटा में 217 सड़कों में से 6 सड़कें बंद हैं 14 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सराहां में 64 सड़कों में से 2 बंद हैं 18 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसी प्रकार जिला में कुल 47 सड़कें भारी बारिश के कारण बंद हैं तथा 32 जेसीबी के साथ 11 टिप्पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग को जिला में 9 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। उन्होंने कहा कि जिला में लगभग सभी जगह पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नाहन डिविजन में 165 किलोमीटर लाईन डैमेज हुई, पांवटा में 259 किलोमीटर, राजगढ़ में 168 किलोमीटर लाईन डैमेज हुई हैं। इसके अलावा सभी पेयजल योजनाओं में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। हर्ष वर्धन चौहान ने बताया कि सिरमौर जिला में जल शक्ति विभाग को 103 करोड़ रुपये का नुकसान आंका गया है। जिला की कुल 1405 जलापूर्ति योजनाओं में से 485 योजनायें प्रभावित हुई हैं जिसमें लगभग सभी को बहाल किया जा चुका है। नाहन पेयजल आपूर्ति योजना को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा है इसके अलावा सिवरेज की तीन योजनायें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने उद्योग मंत्री को जिला में सड़क, पुल, पेयजल, बिजली आदि क्षेत्र में हुये नुकसान की प्रेजेंटेशन देते हुए अवगत करवाया कि राजस्व व अन्य संबन्धित विभाग के अधिकारी फील्ड स्तर पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर भी लगातार नुकसान की समीक्षा करने के साथ राहत एवं पुनर्वास की मानिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के एसडीएम, तहसीलदार, कानूनगो और पटवारी सभी फील्ड में मुस्तैदी से नुकसान का जायजा ले रहे हैं। इस मौके पर सहायक आयुक्त विवेक शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोम दत्त, जिला राजस्व अधिकारी चेतन चौहान, परियोजना अधिकारी डीआरडीए अभिषेक मित्तल, जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. राजन सिंह, उप निदेशक प्रारम्भिक शिक्षा राजीव ठाकुर, उप निदेशक उच्च शिक्षा कर्म चंद, योजना अधिकारी संजय परमार, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति राजीव महाजन, अधिशासी अभियंता वी.के. अग्रवाल, अधिशासी अभियंता बिजली राहुल राणा व अन्य अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
उपमंडल देहरा के अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का चुनाव वीरवार को देहरा में चुनाव पर्यवेक्षक अश्वनी पालिया, मंजीत कुमार, पवन राणा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महासंघ के नेता अजीज अहमद, निशा कुमारी व ज्योतिका मेहरा मौजूद रहे । विजय अशरफ को सर्व सहमति से ब्लॉक देहरा का अध्यक्ष चुना गया, जबकि शिव कुमार शर्मा को महासचिव चुना गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर परमजीत सलोता व यशपाल शर्मा व विनय शर्मा को कोषाध्यक्ष के पद पर सर्वसम्मति से चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष विजय अशरफ ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही महासंघ के नेताओं से विचार विमर्श करके कार्यकारिणी का विस्तार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को प्रमुखता से सरकार के समक्ष उठाया जायेगा और महासंघ को मजबूत करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
मुख्य संसदीय सचिव कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने कहा कि जनसेवा और प्रदेश का सर्वांगीण विकास ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नेतृत्व में पहली सरकार है जो व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को घरद्वार पर सुविधाएं देने तथा उनके जीवन में व्यापन सुधार के लिए कारगर कदम उठाये गये हैं। सीपीएस ने वीरवार को बैजनाथ में जन समस्याएं सुनीं। उनके ध्यान में लगभग 120 लोग की समस्यायें लाई गई। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया। उन्होंने कुछ समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। सीपीएस ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गांव, गरीब, किसान और मजदूर वर्ग को सुदृढ़ करने के साथ -साथ पर्यटन समेत अन्य विकासात्मक गतिविधियों से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उत्पन्न करने पर सरकार ने विशेष ध्यान केंद्रित किया है। इससे पहले संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग डॉ विशाल शर्मा ने मुख्य संसदीय सचिव किशोरी लाल से शिष्टाचार भेंट की। इनके साथ वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश राणा भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर एससी सेल के उपाध्यक्ष रविंद्र बिट्टू, यूवा कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र राव, जिला एसटी सेल के अध्यक्ष पृथी करोटी, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, गंगा राम शर्मा, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिमोत्कर्ष संस्था के संस्थापक रहे र्स्वगीय कंवर हरि सिंह की तीसरी पुण्यतिथि पर हिमोत्कर्ष परिषद द्वारा स्थानीय सुविधा पैलेस होटल में श्रदाजंलि व सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त राघव शर्मा मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। जबकि पूर्व विधायक ओपी रत्न व जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने स्वर्गीय कंवर हरिसिंह को भावपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यातिथि उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि कंवर हरि सिंह ने समाज सेवा के क्षेत्र को नया आयाम दिया तथा हिमोत्कर्ष का ऐसा वटवृक्ष लगाया जो पीड़ितों व वंचितों को सहारा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि कंवर हरि सिंह ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनेकों कदम उठाए। ऊना जिला में लड़कियों के लिए अलग से कन्या कॉलेज कंवर हरि सिंह की सोच का नतीजा रहे। उन्होंने कहा कि कंवर हरि सिंह ने सामाजिक उत्थान के लिए धरातल पर कार्य किया। वह न सिर्फ एक अच्छे समाज सेवक रहे,बल्कि एक निर्भीक पत्रकार व प्रखर लेखक भी थे। उनकी दिखाई राह ने जिला ऊना के नौजवानों को समाज सेवा के क्षेत्र में उतरने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हिमोत्कर्ष परिषद द्वारा चलाए जा रहे समाज सेवा के विभिन्न प्रकल्पों की भी सराहना की। कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष परिषद के महासचिव नरेश सैणी ने स्वर्गीय कंवर हरि सिंह के समाज हित में किए कार्यो को याद करते हुए उन्हें श्रदाजंलि दी। पूर्व विधायक ओपी रत्न ने भी कंवर हरि सिंह की सेवाओं को नमन करते हुए उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि न केवल समाज सेवक बल्कि एक कर्मचारी नेता के रूप में उन्होंने कर्मचारियों का नेतृत्व किया और उनके हक के लिए आवाज उठाई। कार्यक्रम को सीएमओ रिटायर्ड डा.शिवपाल कंवर,जनहित मोर्चा के अध्यक्ष राजीव भनोट,रोटरी ग्रेटर से अजय शर्मा,सेवानिवृत महाप्रबंधक उद्योग जय गोपाल शर्मा,सुदेश अरोड़ा सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। हिमोत्कर्ष महिला मंच अध्यक्ष दीपशिखा कौशल ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। जबकि कर्णपाल मनकोटिया ने मंच संचालन किया। विभिन्न संस्थाओं ने कंवर हरिसिंह को दी श्रदाजंलि हिमोत्कर्ष के पदाधिकारियों, रोटरी क्लब, युवा सेवा क्लब,ऊना जनहित मोर्चा, इन्नरव्हील क्लब व प्रेस क्लब ऊना के पदाधिकारियों व सदस्यों तथा संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं तथा रोटरी क्लब पालमपुर से डा.सुधीर सलोहत्रा,वाईपी नागपाल,राघव शर्मा व डा.रोहित गर्ग ने स्व.कंवर हरिसिंह को श्रदासुमन अर्पित किए।
बघाट टैक्सी यूनियन ने आज फिर एक बार मानवता का उदाहरण पेश किया है। टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों नेसोलन के रबोन में एक दिव्यांग छात्र को एक व्हील चेयर भेंट की। इसको लेकर बघाट टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें जानकारी मिली थी कि राजकीय प्राथमिक स्कूल रबोन में एक छात्र दिव्यांग है और उससे व्हील चेयर की आवश्यकता है। जानकारी मिलते ही टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने पैसे एकत्रित कर व्हील चेयर खरीदी। पदाधिकारियों ने बताया कि यूनियन द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद लोगों की सहयता की जाती है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर बलाहर में प्रशिक्षुता सेवा ( इंटर्नशिप) कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय रणवीर परिसर जम्मू से शास्त्री कक्षा के ८५ प्रशिक्षु एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर में अध्ययनरत शास्त्री प्रथम वर्ष के १८० छात्र, कुल २६५ छात्र इस इंटर्नशिप में प्रतिभाग कर रहे हैं। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर के निदेशक प्रोफेसर मदन मोहन पाठक ने बताया कि यह प्रशिक्षुता सेवा कार्यक्रम २७ जुलाई से १० अगस्त तक चलेगा। इस १५ दिवसीय कार्यक्रम में प्रशिक्षुओं को वेद एवं कर्मकाण्ड का सैद्धान्तिक व प्रायोगिक ज्ञान, कौशल-विकास, तकनीकी ज्ञान, आत्मनिर्भरता आदि के विविध सूत्रों के साथ-साथ संस्कृति संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन, विश्व बन्धुत्व की भावना, राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता,मानवीय मूल्यों के प्रति कर्तव्यनिष्ठा आदि का सांगोपांग प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसर निदेशक प्रोफेसर मदन मोहन पाठक ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय नई दिल्ली के उपनिदेशक (शैक्षिक वृत्त) डॉ. देवानन्द जी शुक्ल उपस्थित थे। इस कार्यक्रम का संचालन ज्योतिष विद्याशाखा के डॉ.मनोज श्रीमाल ने किया। इस कार्यक्रम में संयोजक डॉ. सुरेश पाण्डेय एवं संयोजक समिति के अन्य सदस्य डॉ. श्याम बाबू, डॉ. पुरुषोत्तम, डॉ. राजन मिश्र, डॉ.शैलेश कुमार तिवारी तथा अमित वालिया एवं परिसर के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।
धर्मपुर खंड की खंड स्तरीय तीन दिवसीय अंडर 14 खेलकूद प्रतियोगिता में वॉलीबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टाबराबरी ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटी को फाइनल में हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों का विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य कमलेश चौहान व संपूर्ण स्टाफ ने जोरदार स्वागत किया तथा इस उपलब्धि पर बधाई दी। इस उपलब्धि के लिए विद्यालय के पी टी आई सुधीर कुमार की सराहना की गई। विद्यालय के चार खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित भी हुए हैं।
अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला सोलन की ब्लॉक इकाई कुनिहार ने अध्यक्ष सुनील दत्त की अगुवाई में मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी से शिमला सचिवालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान इकाई की ओर से उन्हें शॉल टोपी व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। पुरानी पेंशन बहाली पर इकाई की ओर से सरकार का आभार व्यक्त किया गया। मुख्य संसदीय सचिव व अर्की विधान सभा से विधायक संजय अवस्थी ने कुनिहार ब्लॉक इकाई के सभी सदस्यों को आश्वस्त करते हुए कहा,कि सरकार प्रदेश के कर्मचारियों के साथ है व उनकी किसी भी समस्या का समाधान करने को प्रतिबद्ध है। इस दौरान इकाई अध्यक्ष सुनील दत्त, सुरेश कुमार वरिष्ठ उपाध्यक्ष, बलदेव ठाकुर महासचिव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश डॉ. बीआर अंबेडकर मिशन अनुसूचित जाति कल्याण समिति की बैठक अंबेडकर भवन दयाल तहसील देहरा में पूर्व विधायक चौधरी दिलीप सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समिति के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष एमआर दरोच ने सभा के समक्ष विभिन्न मुद्दों को चर्चा के लिए रखा। मुख्य रूप से मिशन की मजबूती के लिए उपमंडल स्तर पर इकाइयों का 2023 -2026 तक गठन किया जाए और आर्थिक मजबूती पर जोर दिया जाए। सभा के सदस्यों ने मणिपुर में हो रही अमानवीय घटनाओं पर रोष प्रकट किया और निंदा प्रस्ताव पारित किया और सरकार से आग्रह किया कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं एवं दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष गुरुदास राम,वरिष्ठ उपाध्याय, अमर सिंह महासचिव शंकर सन्याल, पूर्व प्रधान धर्म चंद सिंह, ओम प्रकाश, किशोरीलाल, पूर्णचंद, हरि सिंह संध, सुदर्शन कुमार, वतन चंद, हरजिंदर कुुमार उर्फ बिल्ला एवं हिमाचल प्रदेश गुरु रविदास महासभा ब्लॉक प्रागपुर के प्रधान राकेश भाटिया सहित लगभग 100 सदस्य उपस्थित रहे।
विश्व हेपेटाइटिस दिवस के उपलक्ष्य में 27 जुलाई को जिला स्तरीय विश्व हेपिटाइटिस दिवस मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुशील शर्मा के सौजन्य से सत्यम कॉलेज ऑफ नर्सिंग रैत में मनाया गया। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य हेपेटाइटिस के प्रति जागरूकता को बढ़ाना था। जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ तरुण सूद ने कहा कि हेपेटाइटिस लिवर से जुड़ी बीमारी है जो संक्रमण के कारण होती है। इस बीमारी से लीवर में सूजन आ जाती है। हेपेटाइटिस एक महामारी बनती जा रही है जिसके कारण हर साल मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है। हेपेटाइटिस पांच प्रकार का होता है ।हेपेटाइटिस ए ,बी ,सी ,डी और ई। हेपेटाइटिस के सभी प्रकारों को गंभीरता से लेना चाहिए। हेपेटाइटिस को गंभीरता के आधार पर पहचाना जाता है। इस बीमारी का इलाज संभव है अत: जागरूकता फैलाकर हम लोगों को इस बीमारी से बचा सकते हैं। जानकारी देते हुए जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी जगदंबा मेहता ने बताया की यह बीमारी वायरस इनफेक्शन, दूषित खाना, दूषित पानी के सेवन से, संक्रमित खून के ट्रांसफ्यूजन से और संक्रमित इंजेक्शन आदि से हो सकती है इसके लक्षण इस प्रकार हैं जैसे हमेशा थकान महसूस होना, त्वचा की रंगत पीली होना, आंखों के सफेद हिस्से का रंग पीला पड़ जाना ,भूख ना लगना, उल्टी आना, जी मिचलाना, पेट दर्द और सूजन होना, सिर दर्द और चक्कर, यूरिन का रंग बदलना अचानक वजन कम होने लगता है, पीलिया होना या कई सप्ताह तक बुखार बना रहना। जैसे ही इस प्रकार के लक्षण दिखे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में अपनी जांच करवाएं। क्योंकि अगर समय रहते बीमारी पहचान ली जाए तो व्यक्ति पूरी तरह स्वस्थ हो जाता है। इस मौके पर हेपेटाइटिस के लक्षण निदान उपचार तथा रोकथाम पर पोस्टर मेकिंग कंपटीशन तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया तथा प्रतिभागियों को इनाम वितरित किए गए। सत्यम नर्सिंग कॉलेज की फैकल्टी द्वारा वायरल तथा नॉन वायरल हेपेटाइटिस पर पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उपस्थित प्रतिभागियों को जागरूक किया गया। स्वास्थ्य शिक्षिका अंजली ने भी हेपेटाइटिस के बारे में जानकारी देते हुए बरसात के मौसम में हाथों की साफ सफाई तथा आसपास की साफ सफाई के साथ-साथ ज्यादा तला भुना तथा बाहर के खाने को ना खाने की सलाह देते हुए ताजा तथा हल्का खाना खाने के लिए प्रेरित किया ताकि पीलिया तथा दस्त आदि रोग जोकि बरसात में आमतौर पर होने वाली बीमारियां है उनसे बचा जा सके। इस मौके पर सत्यम नरसिंह कॉलेज रैत की प्रिंसिपल अखिला ए.तथा बाकी स्टाफ भी मौजूद रहा।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल के प्रदेश मंत्री आकाश नेगी ने बताया कि आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश का 75 वर्ष पूर्ण होने पर गेयटी सभागार शिमला में बहुत ही धूमधाम से किया गया। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजशरण शाही मुख्य अतिथि व वशिष्ठ अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान बबिता फोगाट उपस्थित रहीं। फोगाट ने संबोधन करते हुए विद्यार्थी परिषद द्वारा आयोजित मिशन साहसी कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद को ऐसे ओर कार्यक्रम छात्राओं के लिए करवाने चाहिए व यहां मेरे सहयोग व सहायता की जरूरत होगी वह मैं करूंगी। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम अमृत महोत्सव समारोह की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। आकाश नेगी ने बताया कि इस अमृत महोत्सव समारोह कार्यक्रम में देश व प्रदेश कानाम ऊंचा करने वाले व सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले महानुभावों को भी सम्मानित किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इस अमृत महोत्सव समारोह कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश की संस्कृति की भी झलक सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से देखने को मिली। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से अभाविप के पूर्व कार्यकर्ता, शिमला जिला की विभिन्न इकाइयों के कार्यकर्ता व छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रभारी व उपाध्यक्ष मेजर जनरल धर्मवीर सिंह राणा (सेवानिवृत्त) ने कहा कि 26 जुलाई को भारतीय सेना द्वारा कारगिल की ऊंची चोटियों पर पाकिस्तानी सेना को परास्त करने व शहीद सैनिकों की शहादत को याद करते हुए मनाया जाता है। प्रदेश कांग्रेस सरकार ने सभी शहीद सैनिकों के समक्ष नतमस्तक होते हुए, पूर्व सैनिकों, उनके परिजनों के हितों व इस परम्परा का सम्मान करते करते हुए पूर्व की तरह कारगिल युद्ध विजय दिवस बहुत बड़े स्तर पर प्रदेश भर में मनाया। कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग, जिला सैनिक कल्याण विभाग,जिला प्रशासन द्वारा राज्य व हर जिला,ब्लाक स्तर पर भी शहीद सैनिकों को स्मरण कर कार्यक्रम आयोजित किये गए। देवभूमि हिमाचल प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सर्वप्रथम अपनी और से शहीदों के प्रति अपनी सच्ची संवेदना व श्रद्धांजलि अर्पित कर अपनी कृतज्ञता प्रकट की। सभी जिलों में कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को सलामी देकर सैनिक युद्ध स्मारकों पर श्रद्धासुमन व मालाएं अर्पित की गई। वीरभूमि हिमाचल प्रदेश के रणबांकुरों के परिवारों,वीर नारियों और कारगिल युद्ध में भाग लेने वाले पूर्व सैनिकों को प्रदेश भर में कांग्रेस सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। जिसमें प्रदेश भर से हज़ारों पूर्व सैनिकों, पूर्व सैनिक संगठनों, सैनिक लीग व सैनिक परिवारों व स्थानीय लोगों ने बहुत भारी संख्या में हिस्सा लिया। कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रभारी व उपाध्यक्ष मेजर जनरल धर्मवीर सिंह राणा ने कहा कि जहां प्रदेश सरकार शहीद सैनिकों को स्मरण कर विजय दिवस समारोह आयोजित किए वहीं दूसरी तरफ़ भाजपा के एक प्रवक्ता ने इस पुण्य अवसर पर औछी राजनीति करते हुए ब्यान दिया कि 'प्रदेश सरकार कारगिल विजय दिवस समारोह मनाना भूल गई है'। भाजपा प्रवक्ता की यह बात निन्दनीय व शत प्रतिशत झूठ है और हम सभी इसका खंडन करते हैं। हमारे बहादुर शहीद सैनिकों का अपमान कदापि बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। मेजर जनरल राणा व समस्त कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग ने कहा कि शहीद सैनिकों के नाम पर भाजपा की झूठी व औछी राजनीति किसी से छुपी नहीं है। भाजपा प्रवक्ता को पहले सब कुछ जान लेना चाहिए था,आज के सभी समाचार पत्रों, मीडिया में माननीय मुख्यमंत्री जी का श्रद्धा सन्देश एवं प्रदेश सरकार द्वारा प्रायोजित शहीद सैनिकों के सम्मान में आयोजित सभी कार्यक्रमों का ब्यौरा भरा पड़ा है। भाजपा की झूठी बयानबाजी का प्रदेश भर के सभी पूर्व सैनिकों ने भी कड़ा संज्ञान लिया है। अत: भाजपा को सलाह है कि भविष्य में भी सेना के शहीदों,पूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों के नाम पर राजनीति करने से परहेज़ रखे।
नशा तस्करी और सट्टा कारोबार के खिलाफ ऊना पुलिस की लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को एसपी अर्जित सेन ठाकुर की अगुवाई में पुलिस ने प्रदेश की सीमांत नगर परिषद संतोषगढ़ के पंजाब से सटे क्षेत्र में दबिश देकर एक दुकान से सट्टा कारोबार का भंडाफोड़ कर डाला। पुलिस की छापेमारी के दौरान करीब 5 लोग पुलिस के हाथ लगे हैं, जिन्हें काबू करके पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। एसपी अर्जित सेन का कहना है कि पिछले एक साल में सट्टा कारोबार के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत 135 मामले दर्ज किए गए हैं। जिनसे करीब 4 लाख रुपये की नकदी भी वसूल हुई है। उन्होंने कहा कि जिला भर में सट्टा कारोबार के दम पर ड्रग्स माफिया को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं और इसी कड़ी को तोड़ने के लिए पुलिस लगातार हर तरह की अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में ला रही है। एसपी ने बताया कि ज्यादातर लोगों का सट्टेबाजी में लेनदेन ऑनलाइन तरीके से हो रहा है पुलिस उसकी भी परतें उधेड़ने में लगी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन-कौन लोग इस धंधे के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि इस प्रकार कि कोई भी गतिविधि यदि आपके आसपास हो रही है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ।
हिमाचल में हर दिन बादल फटने की घटनाएम सामने आ रही हैं। बादल फटने से मकानों, सड़कों को नुकसान हो रहा है साथ ही नदी नाले भी उफान पर है। चंबा जिला की होली घाटी की ग्राम पंचायत चन्हौता के ऊपरी हिस्से में गुरुवार सुबह अढ़ाई बजे के करीब एक बार फिर बादल फटा। इसके चलते इस इलाके के मच्छेतर नाले में बाढ़ आ गई। मलबे के सैलाब में दो दुकानें,तीन घराट बह गए हैं। घरों में जब लोग सोए हुए थो अचानक जोर का धमाका हुआ और नाले में बाढ़ आ गई। इस धमाके से पूरा मच्छेतर गांव हिल गया। लोग घरों के भीतर से निकल बाहर आ गए। बाढ़ से मच्छेतर पुल को भी नुकसान पहुंचा है। बहरहाल सूचना मिलते ही तहसीलदार होली प्रकाश चंद, जिला परिषद सदस्य अनिल कुमार और पंचायत प्रधान मौके पर पहुंच गए हैं। साथ ही राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुट गए हैं।
विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी तरीके से कार्यान्वित करने और लोगों को लाभान्वित करने के लिए राज्य सरकार ने ग्राम पंचायतों की तर्ज पर शहरी क्षेत्रों में भी 'परिवार रजिस्टर' बनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के परिवार रजिस्टर के रखरखाव नियम, 2023 के एक प्रारूप को हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। शहरी क्षेत्रों में परिवार रजिस्टर को लागू करने के लिए राज्य सरकार ने हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम की धारा 48 ए धारा 308 ए और हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम की धारा 43 (5) और धारा 393 में संशोधन किया गया है ताकि परिवार रजिस्टर के रखरखाव का प्रावधान किया जा सके। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार का यह नवोन्मेषी कदम शहरी क्षेत्रों के लिए योजनाओं को तैयार करने के दृष्टिगत निर्णय लेने में मील पत्थर साबित होगा। इससे इन क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के बारे में महत्वपूर्ण डॉटा उपलब्ध होगा, जिसके उपयोग से संसाधनों के बेहतर आबंटन सुनिश्चित कर जन कल्याण के लिए स्टीक योजनाएं बना जा सकेंगी। अभी तक केवल ग्राम पंचायतों में ही परिवार रजिस्टर रखे जाते थे। इस पहल के साथ, शहरी आबादी की आपत्तियों और सुझावों के उपरांत अंतिम मंजूरी मिलने के बाद शहरी क्षेत्रों में रहने वाले लोग सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं का प्रभावी ढंग से लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त प्रत्येक वर्ष 31 जनवरी तक परिवार रजिस्टर को संशोधित किया जा सकता है और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आवश्यक संशोधन किए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार में रहने वाले सदस्यों, उनके व्यवसाय, जाति, शैक्षणिक स्थिति और अन्य आवश्यक विवरणों का रिकार्ड रखना महत्वपूर्ण है। पारिवारिक रिकार्ड सुनिश्चित होने से सरकार द्वारा प्रायोजित कल्याणकारी योजनाओं का स्थानीय निकायों के लोगों को लाभ प्राप्त करने में मदद मिलेगी। संशोधित नियमों के तहत वार्ड समिति के संबंधित सचिव को वार्ड के वास्तविक निवासियों के परिवारों के विवरण के लिए घर-घर जाकर सर्वेक्षण करना आवश्यक होगा। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी या नगर पंचायत के सचिव या इसके लिए विशेष रूप से नामित सत्यापन अधिकारी द्वारा रजिस्टर सत्यापित किया जाएगा। सभी आवश्यक संशोधन और सत्यापन पूरे होने के उपरांत तैयार किया गया अंतिम परिवार रजिस्टर अनुमोदन के लिए सदन के समक्ष रखा जाएगा और राजपत्र में प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित अधिकारी द्वारा यह डाटा ऑनलाइन मोड के माध्यम से आम जनता को उपलब्ध करवाया जाएगा।
प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा राशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दृष्टिगत उपभोक्ताओं के राशन कार्डों में उनकी आधार संख्या पंजीकृत की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभी तक 99.60 प्रतिशत राशनकार्ड लाभार्थियों के राशनकार्ड को आधार संख्या से जोड़ा जा चुका है। प्रदेश में कुल 74,60,584 लाभार्थी हैं, जिनमें से 74,30,737 लाभार्थियों के आधार राशनकार्ड से जोड़ दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन लाभार्थियों ने अभी तक अपने राशनकार्ड को आधार से नहीं जोड़ा है वह 15 अगस्त से पूर्व नजदीकी राशन डिपो में जाकर अपना आधार दर्ज करवा सकते हैं। यदि कोई अपना आधार 15 अगस्त तक दर्ज नहीं करवाता है तो इस स्थिति में राशनकार्ड को अस्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा तथा आधार की जानकारी उपलब्ध करवाने के बाद ही राशनकार्ड को फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राशनकार्ड धारकों की सुविधा के लिए लाभार्थिर्यों के मोबाइल नंबर को भी उनके राशनकार्ड के साथ जोड़ा जा रहा है ताकि उचित मूल्य की दुकानों पर उपलब्ध करवाए जा रहे खाद्यान्नों की सुविधा संबंधित जानकारी उपभोक्ताओं को पंजीकृत मोबाइल पर दी जा सके। उपभोक्ता विभागीय वेबसाइट/पारदर्शिता पोर्टल पर जाकर अपडेट मोबाइल नम्बर विकल्प के अधीन अपने 12 अंकों के आधार नम्बर दर्ज करवाने के उपरांत अपना मोबाइल नम्बर अपडेट कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से ई-केवाईसी के माध्यम से यह सुनिश्चित कर रहा है कि राशनकार्ड में दर्ज व्यक्ति का नाम, जन्मतिथि तथा लिंग आधार में दर्ज डाटा के अनुरूप ही हो। इस विषय में उपभोक्ता अधिक जानकारी विभागीय वेबसाइट/पारदर्शिता पोर्टल पर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सभी उचित मूल्य दुकानदारों को समयबद्ध ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
किन्नौर जिले के छोल्टू-जानी संपर्क मार्ग पर बुधवार देर शाम अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में गिरी पिकअप में सवार दंपती समेत तीन लोगों का अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। एनडीआएफ और गृहरक्षक की टीम लापता लोगों की तलाश कर रही है। लेकिन उफनती सतलुज तलाशी अभियान में बाधा बन रही है। हादसे में एक महिला घायल है। बता दें पिकअप टापरी से जानी की ओर जा रही थी कि अचानक छोल्टू-जानी संपर्क सड़क पर तेनांग में गाड़ी सतलुज में जा गिरी। गाड़ी में सवार वाहन मालिक एवं चालक जीवन सिंह नेगी (43) उनकी पत्नी चंपा देवी (44) और अनीता (34) तीनों निवासी जानी जिला किन्नौर सतलुज के तेज बहाव में बह गए। अन्य महिला राजकुमारी गाड़ी से गिरकर नदी किनारे जा गिरी और घायल हो गई।
विद्युत उपमंडल चढ़ी के सहायक अभियंता आशीष कुमार ने विद्युत उपमंडल चढ़ी के तहत आने वाले सभी सरकारी व गैर सरकारी विभागों जैसे बैंक, अस्पताल, ग्राम पंचायत एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के विभागों से आग्रह किया है कि वे अपने बिजली बिलों का भुगतान ऑनलाईन मोड में करें। उन्होंने कहा कि इन विभागों से कोई भी आरटीजीएस या एनईएफटी भुगतान स्वीकार नहीं किया जायेगा।
सहायक अभियंता विद्युत उपमंडल उपमंडल सिद्धपुर (योल) करम चंद भारती ने उपमंडल के अंतर्गत आने वाले समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की हैं कि, यदि किसी भी उपभोक्ता का मोबाइल नंबर रजिस्टर नहीं है या उपभोक्ता अपना मोबाइल नंबर बदलना चाहता है तो उपभोक्ता उनके कार्यालय में संपर्क कर सकता है या उपभोक्ता कार्यालय दूरभाष नंबर- 01892-246394 और ई-मेल द्गह्यस्रह्यद्बस्रद्धश्चह्वह्म्ञ्चद्दद्वड्डद्बद्य.ष्शद्व पर भी संपर्क कर सकता है। इसके अतिरिक्त यदि किसी भी उपभोक्ता को समय पर बिजली बिल प्राप्त नहीं हों रहें है या बिजली बिल से संबंधित कोई शिकायत है तब भी इस दूरभाष नंबर या ई-मेल पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से ये भी अपील की है कि कोई भी बिजली उपभोक्ता अपना बिजली का बिल लंबित न रखे सभी अपने बिजली के बिल का भुगतान समय पर करना सुनिश्चित करें अगर किसी भी उपभोक्ता का बिजली का बिल काफी समय से लंबित है तो वह अपना बिजली का बिल तुरंत जमा करवाएं समय पर बिजली के बिल का भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन नियमानुसार बिना किसी आगामी सूचना के काट दिया जायेगा। उपभोक्ता अपना बिल ऑनलाइन माध्यम जैसे की बोर्ड की वेबसाइट और अन्य पेमेंट एप से भी जमा कर सकते हैं यदि किसी उपभोक्ता के बिल में कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसे दूर करवाने के लिए कार्यालय में इसी माह संपर्क करें।
पौंग बांध से छोड़े जा रहे पानी से लोग अपना घर और जमीन छोड़ने को मजबूर पौंग बांध से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण हिमाचल के विधानसभा क्षेत्र इंदौरा व विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के मांड एरिया के लोगों के घरों में पानी घुस गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण लोग अपनी जमीन व घर छोड़ने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी तरफ इन बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार की ओर से न तो रहने की व्यवस्था की गई है और न ही कोई भोजन की। ऐसे में मुसीबत की घड़ी में उनका सहारा बनेगा। लगातार बढ़ रहे पानी के कारण ख्वाजी पुल ढह गया है व साथ ही कई सड़कों को भी काफी नुकसान हुआ है। ख्वाजी पुल भोग्रवां से मण्ड क्षेत्र को जोडता है, लेकिन पुल के बह जाने से अब जो सफर 5 किलोमीटर का था, अब लोगों को वह सफर 20 से 22 किलोमीटर घुम कर तय करना पडेगा 7 बिजली विभाग के भी कई खम्बे हवा में लटक रहे हैं। इनके टूटने का खतरा बढ़ गया है अगर एक भी खंबा टूटा तो बिजली विभाग को भी काफी नुकसान झेलना पड सकता है। इसके अलावा लोगों की कई कनाल भूमि धान की फसल खराब हो चुकी है। सरकार ने अभी नहीं दी कोई आर्थिक मदद: शुभम मन्हास मांड रियाली से संबंध रखने वाले शुभम मन्हास का कहना है कि बाढ़ पीड़ित लोगों के रहने व खाने के लिए सरकार द्वारा कोई भी प्रावधान नहीं किया गया है। हमें अपने रिश्तेदारों पास रुकना पड़ रहा है। इस मुसीबत की घड़ी में उन पर भी बोझ बढ़ रहा है। लगातार बढ़ रहे जलस्तर के कारण लोगों की फसल खराब हो चुकी है वह इस गाड़ी में रिश्तेदारों के यहां रहना व उन पर बोझ बनना हमें सही नहीं लग रहा है। सरकार द्वारा जल्द से जल्द रहने में खाने के लिए उचित व्यवस्था करवाई जानी चाहिए। सरकार मदद करे या न करें हम सेवा के लिए हमेशा तत्पर: विनोद सरकार पर तंज कसते हुए बडुखर से समाजसेवी विनोद जासवाल ने कहा कि सरकार बाढ़ग्रस्त लोगों की मदद करे या न करे, लेकिन हम हमेशा लोगों की सेवा के लिए तत्पर हैं। भविष्य में भी लोगों की सहायता के लिए हम आगे रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अभी तक लोगों को रहने व खाने की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते हमारी संस्था ने बडुखर के कम्युनिटी हॉल में 50 लोगों की रहने एवं खाने की व्यवस्था की है, जो भी लोग बाढ ग्रस्त हैं, जिन्हें अपने घर छोडने पड़ रहे हैं उनके सेवा के लिए हम हमेशा आगे रहेंगे। खनन माफिया ने ब्यास दरिया का रुख ही बदल दिया : नितिश कौशल नितीश कौशल का कहना है कि खनन माफियाओं के द्वारा दिन रात अवैध रूप से किए जा रहे खनन के कारण ब्यास दरिया का सीना छलनी कर दिया गया है, जिससे कि ब्यास नदी ने अपना रुख बदल लिया है। इस कारण लोगों के सैकड़ों एकड़ भूमि के ऊपर से पानी जा रहा है, जिससे कि सैकड़ों एकड़ धान की फसल बर्बाद हो चुकी है। अर्नी यूनिवर्सिटी इंदौरा में ढाई सौ लोगों के की व्यवस्था : एसडीएम एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर से इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि अर्नी यूनिवर्सिटी इंदौरा में लगभग ढाई सौ लोगों के रहने खाने की व्यवस्था प्रशासन व यूनिवर्सिटी के द्वारा की गई है। जो भी लोग बाढ़ ग्रस्त हैं उन्हें वह पर रखा जा रहा है उनके रहने खाने की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की जा रही है 7 इसके अलावा कुछ लोग अपने रिश्तेदारों के यहां रुके हैं , सोमवार रात को जिन लोगों का रेस्क्यू किया गया था, उनमें से कुछ प्रशासन की देखरेख में और कुछ अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहे हैं और प्रशासन के द्वारा लगातार राहत और बचाव कार्य जारी है मंड क्षेत्र के लोगों को बार-बार यही अपील की जा रही है कि वह अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर आ जाएं लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जो घरों को नहीं छोड़ना चाहते। किंतु प्रशासन के द्वारा संघर्ष जारी है इस आपदा की घड़ी सरकार जुझने के लिए प्रशासन कड़ी मशक्कत कर रहा है। लोगों की हर संभव मदद की जाएगी : विधायक विधायक इंदौरा मलेंद्र राजन ने कहा कि सरकार की तरफ से लोगों की हर उचित मदद की जाएगी। लोगों का जो भी नुकसान होगा उसकी भरपाई सरकार द्वारा की जाएगी। लोगों की सैकड़ों कनाल में धान की फसल खराब हुई है। प्रशासन से जानकारी जुटाकर उसकी भरपाई के लिए उचित मांग की जाएगी। लोगों से अपील की जाती है की बाढ़ ग्रस्त स्थानों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर आ जाएं। हमसे जो भी मदद बन पाएगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज यहां विजय दिवस पर कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इन वीर सपूतों ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए राष्ट्र के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। े इन बहादुर जवानों की स्मृति में हर वर्ष 26 जुलाई को विजय दिवस मनाया जाता है। उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की भावी पीढ़ियों के लिए वे प्रेरणास्रोत हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए कारगिल में अदम्य साहस का परिचय देने वाले भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और प्रदेश के 52 वीर सपूतों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके बलिदान को देश सदैव याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के बहादुर सैनिकों का साहस व देशभक्ति, नि:स्वार्थ राष्ट्र सेवा की सच्ची भावना को दर्शाता है।
एसडीएम पांवटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा सहित वीरनारीयों, भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र के पदाधकारियों द्वारा शहीद स्मारक पांवटा साहिब में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए योद्धाओं को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्र और सैनिकों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई। पूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र द्वारा सैनिक विश्राम गृह पांवटा साहिब में आयोजित कार्यक्रम में एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि देश के सैनिक हमारे राष्ट्र का गौरव है और उन्होंने देश की सीमाओं को सुरक्षित रखने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है इसलिए हमेशा हमें उनका सम्मान करना चाहिए। एसडीएम गुंजित चीमा ने उपस्थित सभी लोगों तथा युवाओं से आव्हान किया कि राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर काम करना चाहिए और नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहना चाहिए। इस दौरान पूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई संगठन द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के सम्बन्ध में भी अवगत करवाया गया। इस मौके पर तहसीलदार ऋषभ शर्मा व विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों सहित नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष ओम प्रकाश कटारिया तथा पार्षद एवं भूतपूर्व संगठन की तरफ से वीरनारी वीना देवी, रजनी देवी एवं वीना अध्यक्ष करनैल सिंह, उपाध्यक्ष नरेेंद्र सिंह ठुंडू व सवर्णजीत सिंह, सह-सचिव मोहन सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष तरुण गुरुगं के अलावा कोर कमेटी से संरक्षक डॉ एस पी खेड़ा, विरेन्द्र सिंह चौहान, जीवन सिंह एवं कई भूतपूर्व सैनिक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
उपमंडल देहरा के अंतर्गत लोअर सुनहेत के पुष्पिंद्र ठाकुर हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर नियुक्त हुए है इनकी यह नियुक्ति प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनकी कार्यशैली को देखते हुए दी है बताते चले पुष्पिंद्र ठाकुर मौजूद समय मे मत्सय विभाग कांग्रेस के प्रदेश वाईस चेयरमैन व इससे पूर्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रह चुके हैं। पुष्पिंद्र ठाकुर ने बताया कि कि हिमाचल सरकार ने जो हमे जिम्मेदारी सौंपी है, मैं इसके लिए रात दिन कड़ी मेहनत करके राजनीति से भी ऊपर उठकर हर कार्य को बखूबी से निभाया जाएगा। उन्होंने कहा कि खाद्य आपूर्ति विभाग मे आने वाली तमाम सभी समस्याओं को सरकार के समक्ष रखी जाएगी, ताकि किसी भी ग्रामीण को परेशानी पैदा न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी उचित मूल्य की दुकानों पर मिलने वाले राशन की गुणवत्ता पर कोई समझौता नही किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस सरकार इतिहास में सदा जनता के साथ छल किए जाने के बारे में ही जानी जाएगी। दिसंबर 2022 में कांग्रेस सरकार सत्ता में केवल इसलिए आई कि चुनाव के दौरान लोक लुभावन गारंटियां दी गई 22.50 लाख बहनों को धोखे में रखकर उनका वोट लिया गया। हर कोने में, हर मोहल्ले में, हर गांव में, हर चौक-चैराहे पर चिल्ला-चिल्लाकर कांग्रेस नेता यह बयान देते रहे कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही 18 साल से 60 साल की हर महिला को 1500 रुपये महीना उसके खाते में आएगा। न उससे यह पूछा जाएगा कि उनकी जाति क्या है, आय क्या है और बिना किसी शर्त के पहली कैबिनेट से यह पैसा बहनो के खाते में आएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर 1500 रुपये दिए जाने के फॉर्म भरवाए और बहन-बेटियों को वोट लेने के लिए गारंटी दी। बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार 22 लाख बहनों के साथ धोखा कर रही है, अन्याय कर रही है। माननीय मुख्यमंत्री का यह बयान कि हमने बहनो की गारंटी पूरी कर दी है, इस बात को साबित करता है कि कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस सरकार की नीयत में पहले दिन भी खोट था और आज भी है। स्पिति ब्लॉक की चंद बहनों को 1500 रुपये महीने की पेंशन लगाकर यह घोषित करना कि सरकार ने आपकी गारंटी पूरी की है, इससे बड़ा धोखा हिमाचल प्रदेश की बहनों के साथ कोई नहीं हो सकता। पिछले 8 महीने में प्रदेश सरकार गारंटियों के मुद्दे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए तरह-तरह के मुद्दे घड़ रही है जिन मुद्दों का गारंटियों के साथ कोई मेल नहीं है। चुनाव के दौरान 5 लाख बेरोजगारों को नौकरी देने की गारंटी दी गई। नौकरी देना तो दूर की बात, सैंकड़ों लोगों को नौकरी से निकाल दिया गया। नौकरी देने वाला संस्थान बंद कर दिया और युवाओं को प्रदेश सचिवालय के बाहर आंसू बहाने के लिए छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस से एक-एक गारंटी का हिसाब लेगी।
उत्तरी भारत की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में एक बैठक का आयोजन किया गया। अपूर्व देवगन ने सभी महत्वपूर्ण विभागों द्वारा की जाने वाली विभिन्न प्रबंध व्यवस्थाओं को तय सीमा के भीतर सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। साथ में उपायुक्त ने यह भी कहा कि ज़िला में भारी बारिश एवं बादल फटने की घटनाओं के कारण सरकारी एवं निजी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। ऐसे में सभी संबंधित विभागों को तय सीमा के भीतर पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित बनानी होगी। विभिन्न विषयों पर चर्चा के दौरान बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि बेहतर आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा की दृष्टि से यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के पंजीकरण की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित बनाई जाएगी। श्रद्धालुओं को बीस रुपयों का पंजीकरण शुल्क देना होगा। चंबा से मणिमहेश डल झील तक उचित कानून एवं व्यवस्था सुनिश्चित बनाने के लिए सेक्टरों में बांटे जाने व भरमौर एवं चंबा में नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए गए। प्रभावी राहत एवं बचाव व्यवस्था सुनिश्चित बनाने को लेकर विशेष टीमों के गठन और एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की तैनाती का निर्णय भी लिया गया। बैठक में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगाए जाने वाले लंगरों पर विस्तृत समीक्षा के दौरान यह निर्णय भी लिया गया कि सड़क के किनारे किसी भी संस्था को अनुमति प्रदान नहीं की जाएगी। इसके साथ लंगर संस्था द्वारा प्रतिबंधित पोली पदार्थ इस्तेमाल न करने की अंडरटेकिंग देने के पश्चात संबंधित एसडीएम अनुमति प्रदान करेंगे। उपायुक्त ने विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के बांध क्षेत्र और असुरक्षित स्थानों पर ध्वनि प्रसारण यंत्रों के माध्यम से जानकारी देने के साथ-साथ खतरे के चेतावनी चिन्ह स्थापित करने के भी निर्देश दिए। राष्ट्रीय उच्च मार्ग चक्की-चंबा-भरमौर की स्थिति पर विस्तृत चर्चा के दौरान उपायुक्त ने धरवाला, लोथल, दुर्गेठी इत्यादि क्षेत्रों में आवश्यक मरम्मत कार्य और खड़ामुख से आगे चिन्हित स्थानों पर यात्रा से पहले क्रैश बैरियर लगाने के निर्देश दिए। भरमौर-हड़सर संपर्क सड़क पर प्रघांला नाला में भूस्खलन की प्रभावी रोकथाम के लिए आवश्यक कार्यों का निर्देश देते हुए उपायुक्त ने भरमौर-थला चौभिया-हड़सर संपर्क सड़क मार्ग को यात्रा से पहले हल्के वाहनों की आवाजाही शुरू करने के निर्देश भी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। इसके साथ उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से यात्रा के दौरान निर्धारित रूटों पर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित बनाने को भी कहा। उन्होंने विभाग को एंबुलेंस और मोबाइल मेडिकल यूनिट तैनात करने के भी निर्देश दिए। क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी को यात्रा के दौरान बसों की उचित व्यवस्था करने को कहा गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने अगवत किया कि यात्रा के दौरान कानून एवं व्यवस्था के साथ ट्रैफिक की उचित व्यवस्था के लिए उपयुक्त संख्या में पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों की तैनाती की जाएगी । बैठक में कार्यवाही का संचालन एसडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने किया। एडीएम भरमौर नरेंद्र चौहान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान, कमांडेंट होमगार्ड अरविंद चौधरी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा, भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रोबेशन अधिकारी इशांत जसवाल, एसडीएम चंबा अरुण शर्मा, सलूणी नवीन कुमार, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले कार्तिकेय शर्मा, परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास प्राधिकरण विनोद कुमार, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में कारगिल विजय दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल सूरम सिंह, श्रीमती सावित्री देवी, प्राचार्या राजकीय महाविद्यालय डॉक्टर अंजू आर चौहान, प्रो. स्वदीप सूद , प्रो. सुशील भारद्वाज, प्रो. पितांबर सिंह, एनसीसी अधिकारी प्रो. राजीव ठाकुर , प्रो. निर्मल भट्टी, प्रो. शर्मिता पठानिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने शहीदों की जीवन गाथा पर अपने विचार रखे, कारगिल युद्ध पर डॉक्युमेंट्री भी दी व गायन प्रस्तुति दी। प्राचार्या ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को अपने भविष्य में भारतीय सेना में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया एवं शहीदों की स्मृति में अपने विचार रखें। वहीं, मुख्य अतिथि रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल सूरम सिंह ने सेना का अनुभव साझा किया गया। एनसीसी अधिकारी प्रो. राजीव ठाकुर ने अपने विचार रखे। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना के जवानों ने अपने प्राणों की चिंता ना करते हुए कारगिल युद्ध में विजय प्राप्त की। अंत में उन्होंने महाविद्यालय के विद्यार्थियों को भारतीय सेना में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
जसवां-परागपुर भाजपा मंडल ने बुधवार को चिंतपूर्णी के साथ सटे मोइन में कारगिल विजय दिवस मनाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कारगिल के शहीद कैप्टन अमोल कालिया के माता-पिता ऊषा देवी और सतपाल कालिया थे। पूर्व मंत्री एवं विधायक बिक्रम ठाकुर विशेष अतिथि रहे। बिक्रम ने इस मौके पर कहा कि देश कभी भी शहीदों का कर्ज नहीं उतार सकता। 1999 में कारगिल युद्ध में मिली जीत को ऐतिहासिक और हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा करने वाली बताया। बिक्रम ने कहा कि हमारे जवानों ने विषम परिस्थितियों में भी दुश्मन को मात देते हुए भारत को जीत दिलाई थी। वहीं, अमोल कालिया के पिता सतपाल कालिया ने बताया कि 1999 को अमोल आखिरी बार उन्हें जन्मदिन की बधाई देने 24 मई को घर आए थे। उसके बाद उनकी सिर्फ एक चिट्ठी आई, जो नौ जून को मिली। उसी दिन उन्हें उनके बलिदान होने की खबर मिली थी। सतपाल के अनुसार अब लोग उन्हें उनके नाम से कम और अमोल कालिया के पिता के नाम से ज्यादा जानते हैं।
पुलिस चौकी सीबा के तहत चनौर तयामल रोड पर एक पिकअप ट्राला पेड़ से टकरा गया। घटना में 9 सवारियां घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार गुरनबाड़ पंचायत के निवासी अपने रिश्तेदारों सहित बुधवार सुबह गुरनबाड़ से शीतला रिश्तेदार की मौत पर विचार देने गए थे। वे वापस आ रहे थे कि चनौर तयामल रोड के करीब वाहन चालक ने पशु को बचाते हुए संतुलन खो दिया और पिकअप ट्राला पेड़ के साथ टकराया जिससे बाहन में बैठी 9 सवारियां घायल हो गई हैं। अगर ट्राला पेड़ से न टकराया होता तो गहरी खाई में जा गिरता, जिससे बहुत बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल हॉस्पिटल डाडा सीबा पहुंचाया गया सिविल हॉस्पिटल में घायल मरीजों को चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार देने के बाद 2 मरीजों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज टांडा के लिए रेफर किया गया है। गौर रहे कि 17 अगस्त से नवरात्र शुरू हो रहे हैं। 25 अगस्त तक यह नवरात्रि चलेंगे। पिछले वर्ष कोटला बेहड़ में 2 पिकअप ट्राले हादसे का शिकार हो गए थे, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई थी और कई यात्री घायल हुए थे। वहीं, डाडा सीबा पुलिस चौकी प्रभारी किशोरचंद ने बताया पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की छानबीन की जा रही है। हादसे में ये हुए घायल हादसे में घायलों में की पहचान लीला देवी उम्र 65 वर्ष पत्नी उत्तमचंद गांव पनियामल, राजकुमारी उम्र 46 वर्ष पत्नी संजय कुमार ग्राम बल्ला नेहरनपुखर,पंचायत प्रधान बंदना कुमारी पत्नी देशराज गांव गुरनबाड़ ,सुलोचना देवी उम्र 57 वर्ष पत्नी बलबीर सिंह गांव नंगल चौक, त्रिशला देवी पत्नी तिलक राज गाँव नंगल चौक ,राजकुमारी पत्नी ज्ञानचंद ग्राम रक्कड़, सीमा देवी पत्नी सनी गांव हार मिंटा, तिलक राज सुपुत्र रंजीत सिंह ग्राम गुरनबाड़, बिंदु कुमारी पत्नी संजू ग्राम कथोग ज्वालामुखी उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस चौकी डाडा सीबा के अंतर्गत पक्का भरो में पुलिस ने गश्त के दौरान एक व्यक्ति से 6.24 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह निवासी अमृतसर पंजाब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस गश्त पर थी कि इसी बीच यह युवक सड़क से गुजर रहा था। पुलिस को शक होने पर इसकी तलाशी ली गयी जिसपर इसके पास 6.24 ग्राम चिट्टा मिला। मामले की पुष्टि चौकी प्रभारी किशोर चंद ने करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस चौकी डाडा सीबा के अंतर्गत बुधवार दोपहर गांव रोड़ी-कोड़ी के पास दो कारों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतना जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों की हालत बिगड़ गई। इस टक्कर से गाड़ियों के टायर फट गए और रिम ढेड़े हो गए। गमनीत यह रही की इस दौरान कार में बैठे चालक व अन्य बाल-बाल बच गए। जानकारी के मुताबिक एक कार डाडा सीबा से ढलियारा और दूसरी गाड़ी ढलियारा से डाडा सीबा की तरफ आ रही थी तो ये दोनों आपस में टकरा गईं। इस संबंध में चौकी प्रभारी किशोर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि हमारे पास एक्सीडेंट का कोई भी केस दर्ज नहीं हुआ है।
पुलिस थाना डमटाल ने आज गुप्त सूचना मिलने पर भद्रोया टोल टैक्स के पास नाका लगाया था और गाड़ियों की चेकिंग हो रही थी। चेकिंग के दौरान एक सीमेंट मिक्सर ट्रेलर से अवैध शराब की 1000 पेटियों की भारी खेप बरामद की गई। यह खेप पंजाब के पठानकोट से भरकर लाई जा रही थी, जिसे शातिरों ने सीमेंट मिक्सर ट्रेलर में छुपाया था। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी नुरपुर अशोक रतन ने बताया कि पुलिस थाना डमटाल में अभियोग दर्ज करके आरोपी स्वरूप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जो कि 2016 में दिल्ली पुलिस उप निरीक्षक के तौर पर कार्यरत था, जिसे भ्रष्टाचार निवारक अधिनियम की धारा 7 व 13 के अंतर्गत 2019 से 4 साल की सजा हुई थी। जिस पर आरोपी को दिल्ली पुलिस द्वारा नौकरी से बर्खास्त किया गया था । इस संदर्भ में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान की गिनती में पारदर्शिता लाने के लिए बद्रीनाथ केदार नाथ मंदिर समिति के सदस्य और ऊना के उद्योगपति महिंदर शर्मा द्वारा एक ग्लास हाउस दान किया गया है, जो कि मंदिर परिसर में स्थापित कर दिया गया है। मुख्य मंदिर से मात्र 25 मीटर दूर स्थापित इस ग्लास हाउस में रोजाना श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए चढ़ावे को गिना जाएगा। इसमें चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालु दोनों दान में दिए गए रुपये, सोने-चांदी और बहुमुल्य वस्तुओं की गिनती को लाइव देखा जा सकेगा। बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य महिंदर शर्मा ने बताया की इस ग्लास हाउस के निर्माण में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया है, ताकि यह केदारनाथ धाम में सर्दियों में शून्य से पचास डिग्री नीचे तक के तापमान पर भी क्रैक न हो। महिंदर शर्मा हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के गर्भ गृह को भी चांदी से सुसज्जित कर चुके हैं।
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 22 खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के तबादले हैं। सचिव ग्रामीण विकास प्रियतु मंडल ने तबादला आदेश जारी किए हैं। यशपाल को परियोजना निदेशक बिलासपुर, ओम प्रकाश को को परियोजना निदेशक चंबा, राजकुमार को परियोजना निदेशक हमीरपुर, चंद्रवीर को परियोजना निदेशक कांगड़ा, सिकंदर को परियोजना निदेशक किन्नौर, पारुल कटयार को परियोजना निदेशक लाहौल-स्पीति, जयवंती को परियोजना निदेशक कुल्लू, कीर्ति चंदेल को परियोजना निदेशक शिमला लगाया गया है।


















































