मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर हमीरपुर गलोड सड़क पर ग्रामीणों ने अपनी समस्या को लेकर सड़क पर जाम कर दिया है। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए हैं। दोनों और वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो चुकी हैं। करीब आधे घंटे से लोग सड़क पर बैठे हुए हैं। इससे लोगों को अच्छी खासी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि शाम का समय है और इस समय बड़े इलाके से वाहनों की आवाजाही काफी ज्यादा रहती है। कर्मचारी भी बड़ी तादाद में इस इलाके से हमीरपुर जिला मुख्यालय पहुंचते हैं। कुछ लोगों ने पुलिस स्टेशन फोन करके इस सड़क जाम की सूचना दी है। उधर, एसएचओ संजीव गौतम का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी मिली है और पुलिस की टीम मौके पर भेजी जा रही है। उनका कहना है कि ग्रामीण मुख्य सड़क से अपने इलाके को जोड़ने वाली किसी के विवाद को लेकर सड़क पर बैठ गए हैं, जिससे आवाजाही रुक गई है। पुलिस कह रही है कि उस स्थान पर चला जाए, जहां कि उनकी समस्या है फिलहाल जाम खुलवाने का प्रयास जारी है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन करुणामूलक संघ द्वारा जिला सोलन ब सिरमौर के करुणामूलक आश्रितों के लिए बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जिला सोलन व सिरमौर के करुणामूलक परिवारों ने इस मीटिंग में भाग लिया। यह मीटिंग (पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस) नियर पुराना बस स्टैंड सोलन के साथ रखी गई। बता दें कि प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार व मीडिया प्रभारी गगन कुमार द्वारा 6 जिलों में मीटिंग का आयोजन उनके द्वारा किया जा चुके हैं, जिसमें जिला ऊना, चंबा, मंडी, कुल्लू कांगड़ा व बिलासपुर मीटिंग की जा चुकी है। बता दें प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार की अध्यक्षता में संघ द्वारा पूर्व सरकार के कार्यकाल मैं 432 दिनों का देश और प्रदेश का सबसे बड़ा धरना प्रदर्शन राजधानी शिमला में किया जा चुका है, परंतु पूर्व सरकार इन आश्रित परिवारों को राहत नहीं दे पाई, जब विपक्ष में कांग्रेस सरकार थी तो उनके द्वारा विधानसभा से लेकर चुनावों में भी करुणामूलक परिवारों का मुद्दा जोरों-शोरों से उठाया गया और एक एकमुशत इन परिवारों को नौकरी देने का वादा कांग्रेस सरकार ने किया है। अब कांग्रेस सरकार बनते ही करुणामूलक परिवारों मे नौकरी की आस जगी है। सरकार बनते ही जनवरी माह में करुणामूलक संघ के पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिमला में करुणामूलक नौकरी बहाली के लिए भेंट हुई, जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा इन परिवारों को एकमुश्त नौकरी देने का और मार्च के बजट सत्र इन परिवारों के लिए अलग से बजट में प्रावधान करने का आश्वासन दिया 15 फरवरी से पहले करुणामूलक परिवारों का हित का एजेंडा संघ की कार्यकारिणी को पेश करने का समय दिया गया, जिस पर करुणामूलक संघ की राज्य कार्यकारिणी हिमाचल प्रदेश के हर एक जिला मैं बैठक कर रही है, वह समस्त परिवारों से वार्तालाप वह सुझाव लेकर करुणामूलक परिवारों के हित का एजेंडा 15 फरवरी से पहले हजारों की संख्या में पहुंचकर करुणामूलक एजेंडा सरकार और मुख्य सचिव को सौंपेगी। बता दें कि इस समय 3000 करुणामूलक परिवार क्लास-सी व क्लास-डी दोनों श्रेणियों में नाैकरी का इंतज़ार कर रहे हैं और सभी आश्रितों को पूरी उमीद है कि सरकार समस्त करुणामूलक आश्रितों के दर्द को समझेगी व बजट में करुणामूलक आश्रितों को लेकर स्पेशल प्रावधान करेगी। मुख्य मांगें- 1) आगामी कैबिनेट में पॉलिसी संशोधन किया जाए व निम्न बातें ध्यान में रखी जाए। a) 5 लाख आय सीमा निर्धारित की जाए जिसमें एक व्यक्ति सालाना आय शर्त को हटाया जाए। b) वित विभाग के द्वारा रेजेक्टेड केसों को कंसिडेर न करने की नोटिफिकेशन को तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया जाए और रेजेक्टेड केसों को दोवारा कंसिडेर करने की नोटिफिकेशन जल्द की जाए। c) क्लास-C व क्लास-D में 5% कोटे की शर्त को हमेशा के लिए हटा दिया जाए। d) योग्यता के अनुसार क्लास-c व क्लास-D के सभी श्रेणियों (Technical+ non Techanical) के सभी पदों में नाैकरियां दी जाए ताकि एक पद पर बोझ न पड़े। 2) बजट सत्र में करुणामूलक् आश्रितों के लिए अलग से स्पेशल बजट का प्राबधान किया जाए। 3) समस्त करुणामूलक परिवारों को क्लास-सी व क्लास-डी में अप्रेल माह से नियुक्तियां दी जाए। उपरोक्त मांगों के संदर्भ में जल्द से जल्द कार्यवाही की जाए, ताकि सब परिवारों को नोकरी मुहैय्या हो सके।
विनायक ठाकुर । जसवां-परागपुर जसवां-परागपुर के अंर्गत टेरेस के समीप अमरोह गांव के तहत स्वां नदी में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से करॉलर एस्क्वेटर का इस्तेमाल करके खनन कर रहे थे, जिस पर डीएसपी देहरा विशाल वर्मा द्वारा उनका 50,000 का चालान किया गया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने कहा कि पुलिस ने अवैध रूप से माइनिंग कर रहे उलंघनकर्ता का चालान किया गया है।
केंद्र सरकार द्वारा बजट में हिमाचल व समाज के हर वर्ग को दिए गए लाभों के लिए पीएम का जताया आभार फर्स्ट वर्डिक्ट। हमीरपुर हमीरपुर के बाइपास स्थित बसंत रिजॉर्ट में जिला भाजपा की दो दिवसीय आवासीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता बलदेव शर्मा ने की। बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों को आत्म विश्लेषण करने की सलाह देते हुए पूरे जोश के साथ मतदान केंद्र स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। बैठक में विधायक एवं संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक जंबाल, जिला प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, जिला सह प्रभारी एवं प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुमित शर्मा सहित पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, डॉ अनिल धीमान भी उपस्थित रहे। दो दिवसीय बैठक में कुल सात सत्र आयोजित किए गए जिनमें पूर्व में की गई गतिविधियों की समीक्षा, आने वाले कार्यक्रमों की चर्चा, रूपरेखा और रणनीति तय करने के साथ साथ राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किया गया। जिला उपाध्यक्ष अनिल कौशल ने बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसमें कांग्रेस सरकार के विकास विरोधी निर्णयों के विरुद्ध जनमत तैयार कर जनांदोलन खड़ा करने का निर्णय और केंद्रीय बजट में हिमाचल प्रदेश सहित समाज के हर वर्ग के लिए किए गए विशेष व अभूतपूर्व प्रावधानों के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद व्यक्त करने का विषय प्रमुख रूप से सम्मिलित है। राजनीतिक प्रस्ताव का अनुमोदन प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय पाल सोहारु ने किया, जिसे बाद में जिलाध्यक्ष द्वारा ध्वनिमत से उपस्थित जिला कार्यकारिणी ने सहमति जता कर पारित करवाया गया। बैठक में जिला सह प्रभारी सुमित शर्मा ने डाटा मैनेजमेंट और मतदान केंद्र सशक्तिकरण के ऊपर विस्तारपूर्वक चर्चा की। सत्र को संबाेधित करते हुए त्रिलोक जम्बाल ने कहा कि नई सरकार ने आते ही संस्थान बंद करने जैसे जनविरोधी और विकास विरोधी फ़ैसले ले कर व चुनावों में गारंटी के नाम पर किए लुभावने वादों से एक एक कर मुकर के हिमाचल की जनता को ठगा-सा महसूस करवाया है। संगठन ने इन जनविरोधी निर्णयों को लेकर प्रभावित क्षेत्रों में हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि समाज मे यह कह कर नई सरकार द्वारा डर फैलाया जा रहा है कि प्रदेश में श्रीलंका जैसे हालात हो जाएंगे। लोगों को अधिक टैक्स भरने के लिए धमकाया जा रहा है, जिसका पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है और जब तक केंद्र में मोदी सरकार है कम से कम भाजपा ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस बार के बजट से प्रदेश को होने वाले लाभ जन जन तक पहुंचाएं। बैठक में जिला के सभी पांचों मंडलों में होने वाली दो दिवसीय आवास की बैठकों की तिथियां तय की गई। बैठक में विधानसभा चुनावों के प्रत्याशी, जिला के सभी पदाधिकारी, संपूर्ण कार्यकारिणी, प्रदेश में जिला के सभी सदस्य व पदाधिकारी, सभी मोर्चे प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष व सयोंजक, पांचों मंडलों के अध्यक्ष महामंत्री व महामंत्री उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 फरवरी, 2023 को प्रातः 09.00 बजे से सांय 05.00 बजे तक दोलग, प्रोंथा, ढेडघराट, मानी, सन्हेच, नेरी, मनसर, सलोगड़ा, ब्रुरी, चम्बाघाट, गुरूद्वारा चंबाघाट एवं आस-पास के क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यह जानकारी वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता सोलन राहुल वर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने की स्थिति अथवा अन्य कारणों से उपरोक्त निर्धारित समय सारिणी एवं निर्धारित तिथि में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से इस अवधि में सहयोग की अपील की है।
विधायक ने वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नरवाणा में 95 लाख की लागत से नया भवन बनकर तैयार होगा। धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने आज शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कस्बा नरवाणा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि अपने पिछले कार्यकाल में उन्होंने नरवाणा स्कूल का स्तरोन्नयन कर इसे वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का दर्जा दिलवाया था। जिससे बच्चों को अब यहां बारहवीं कक्षा तक की शिक्षा सुविधा मिल रही है। नये भवन से विद्यार्थियों को मिलेंगी अधिक सुविधाएं सुधीर शर्मा ने कहा कि नरवाणा स्कूल को विकसित कर विद्यार्थियों को ओर अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दृष्टि से यहां नौ कमरों के एक नये भवन का निर्माण किया जाएगा। सुधीर शर्मा ने कहा कि 95 लाख की लागत से बनने वाले इस भवन का निर्माण कार्य जल्द ही शुरु कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण से विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधांए उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे वे शिक्षा के क्षेत्र में ओर अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम होंगे। उन्होंने विभाग को इसके निर्माण कार्य को कम से कम समय में प्रवीणता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल के पुराने भवन में हाने वाले रिपेयर के काम, रास्ते और पार्किंग के निर्माण कार्य को करने के निर्देश भी विभाग को दिए। सुधीर शर्मा ने कार्यक्रम में वर्ष भर अच्छा प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को नवाजा। समारोह में स्कूल के विद्यार्थियों ने सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। विद्यालय में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विधायक ने प्रस्तुती देने वाले बच्चों को 21000 रुपये देने की घोषणा की। नरवाणा में बनेगा खेल स्टेडियम और जिम सुधीर शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी और युवाओं के समग्र विकास के लिए पढ़ाई से साथ-साथ खेल-कूद और अन्य गतिविधियां भी उतनी ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि नरवाणा में 15 लाख रूपये की लागत से खेल स्टेडियम और 5 लाख रूपये से एक जिम का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेल-कूद और व्यायाम के लिए अच्छी व्यवस्थाएं उपलब्ध होंगी। क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से किया जाएगा विकसित सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से ओर अधिक विकसित करने के लिए नरवाणा और आस-पास के क्षेत्र में नवीन परियोजनाओं पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नरवाणा से चटकर तक रोपवे का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां पर पैराग्लाइडिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने का अच्छा स्कोप हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से यहां पर पैराग्लाइडिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। विधायक ने कहा कि यहां पर बने ट्यूलिप गार्डन को भी पुनः विकसित कर इसे जल्द शुरु किया जाएगा, जिससे यहां बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग आ सकें। इस मौके राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नरवाणा के प्रधानाचार्य ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता शकुन मनकोटिया, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अध्यापक, स्कूली बच्चे और उनके अभिभावक तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित प्राक्तन छात्र व्याख्यान श्रृंखला में मुख्यातिथि के रूप में भाग लिया। इस पंचम व्याख्यान का विषय ‘भारतीय राजनीति में युवाओं का वर्तमान एवं भविष्य’ रखा गया था। इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस संस्थान के साथ उनका गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि स्नातक स्तर की शिक्षा उन्होंने इसी संस्थान से ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनका बहुमूल्य सहयोग लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल के युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए कई नवीन कदम उठा रही है। शिक्षा के साथ-साथ उन्हें खेलों के क्षेत्र में भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। व्याख्यान श्रृंखला के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता हंसराज कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर रमा ने की। दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट एंड कॉमर्स की सहायक प्रोफेसर डॉ. दीप्ती तनेजा तथा प्राक्तन छात्र संघ के उपाध्यक्ष डॉ. नितिन मलिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। व्याख्यान श्रृखंला का संयोजन डॉ. चेतना जैन और डॉ. शैलू सिंह तथा प्राक्तन छात्र संघ की ओर से डॉ. प्रभांशु ओझा और महेंद्र गोयल ने किया।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा जसवां-परागपुर विधानसभा के तहत पड़ती पुलिस चौकी डाडासीबा द्वारा गश्त के दौरान एक राहगीर से 9 बोतल देसी शराब बरामद करने का मामला प्रकाश में आया है। बताते चलें उक्त व्यक्ति शराब की बोतले लेकर कहीं जा रहा था। इसी बीच पुलिस ने गश्त के दौरान उसे पकड़ लिया और उसके पास से संतरा मार्का की देसी शराब भी बरामद की, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी देहरा संदीप पठानिया ने की।
केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने का आग्रह फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गत देर सायं नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय विश्वविद्यालय परिसर का निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ करने का आग्रह करते हुए कहा कि इसके लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पहले ही पूरी की जा चुकी है। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधारशिला रखकर निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हिमाचल को केंद्र से वित्तपोषित योजनाओं में मिलने वाली राशि को बढ़ाने आग्रह किया, ताकि प्रदेश में हो रहे विकास को गति प्रदान की जा सके। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शैक्षणिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और आवासीय मॉडल विद्यालयों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने का भी आग्रह किया। मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, राज्य पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली, विधायक केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, महाधिवक्ता अनूप रतन, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती तथा मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया इस अवसर पर उपस्थित थे।
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर आई है। हिमाचल प्रदेश बेरोजगार चयन सेवाएं संगठन आउटसोर्सिंग एजेंसी (एचपीयूएसएसए) मुख्य कार्यालय शिमला ने विभिन्न श्रेणियों के (687) पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी की है। इन पदो के लिए आवेदन एजेंसी के व्हाट्सएप पर नंबर पर ऑनलाइन ही लिए जाएंगे। प्रदेश के इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने के लिए अपना बायोडाटा फोन नंबर सहित, पदनाम सहित, साधारण एप्लीकेशन लिखकर ,अपनी शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्रों की छाया प्रति, आधार कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड , पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय कार्ड, पीडीएफ फाइल/ स्कैनड बनाकर एजेंसी के व्हाट्सएप नंबर 89881-14000 पर अपना आवेदन निर्धारित तिथि तक भेज सकते है। आवेदन की अंतिम तारीख 12 फरवरी 2023 निर्धारित की गई है। संघ के निदेशक विनीत शर्मा ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों में क्लर्क ऑफिस एग्जीक्यूटिव, एचआर कोऑर्डिनेटर, बैंक सेल्स ऑफिसर , बैंक डिलीवरी एसोसिएट्स , फोन बैंकिंग ऑफीसर, सिक्योरिटी गार्ड, आईटीआई ऑल ट्रेड पासआउट, कंपनी भर्ती अधिकारी , एक्स सर्विसमैन सिक्योरिटी सुपरवाइजर , बस कंडक्टर, कार्यालय सहायक, अकाउंट्स एग्जीक्यूटिव , ऑफिस कोऑर्डिनेटर, बैंक कैश हैंडलिंग एग्जीक्यूटिव, ब्रांच सेल्स ऑफिसर, स्टोरकीपर, कंप्यूटर ऑपरेटर ,बिजनेस प्रमोशन एग्जीक्यूटिव , एक्स सर्विसमैन जेसीओ, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर, जनरल वर्कर हेल्पर, ड्राइवर, लैब असिस्टेंट , आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट , स्टाफ नर्स एएनएम, स्टाफ नर्स जीएनएम , एमआई रिकवरी मैनेजर, फ्लाइंग ऑफिसर, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मैकेनिकल, वेल्डर, पंप ऑपरेटर, एक्स सर्विसमैन गनमैन पीएसओ, जेसीबी ऑपरेटर, बैंक रिलेशनशिप मैनेजर , पेपर सैटर , फॉर्म सेल्स एग्जीक्यूटिव, पीएन कम चौकीदार के पदों को भरने के लिए अधिसूचना जारी की गई है। इन पदों के लिए उम्मीदवार की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट का प्रावधान है. उम्मीदवार शैक्षणिक योग्यता वांछनीय योग्यता संबंधी जानकारी के लिए एजेंसी की आधिकारिक/ ऑफिशल वेबसाइट www.hpussa.in से जानकारी ले सकते हैं। एजेंसी द्वारा उम्मीदवारों का चयन छटनी/ लिखित परीक्षा एवं इंटरव्यू द्वारा ही चयन किया जाएगा. लिखित परीक्षा (150) क्रमांक एवं इंटरव्यू (30) क्रमांक का होगा. लिखित परीक्षा में हिमाचल सामान्य ज्ञान, एवरीडे साइंस ,भूगोल, गणित, इतिहास, जनरल हिंदी, इंग्लिश, कंप्यूटर न्यूमेरिकल एटीट्यूट से बहुविकल्पीय ऑब्जेक्टिव टाइप एमसीक्यू प्रश्न पूछे जाएंगे. एजेंसी द्वारा लिखित परीक्षा 19 फरवरी 2023 को ऑनलाइन ही आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को इनरोलमेंट नंबर ऑनलाइन ही जारी किए जाएंगे। लिखित परीक्षा का परिणाम 17 मार्च 2023 को संघ की आधिकारिक ऑफिशियल वेबसाइट www.hpussa.in पर देख सकते है। इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता आठवीं, दसवीं, 12वीं , ग्रेजुएट, बीएससी बीएड, एमकॉम, बीकॉम, डीसीए, पीजीडीसीए, डिप्लोमा/ डिग्री होल्डर होनी चाहिए. संघ द्वारा नियुक्त किए गए उम्मीदवारों का मासिक वेतनमान 10750/- ग्रेड पे- से लेकर 40870/- सीटीसी ग्रेड पे- तक दिया जाएगा। इसके अलावा जनरल प्रोविडेंट फंड, पीएफ, ईएसआई, मेडिकल इंश्योरेंस , प्रमोशन , बोनस ओवरटाइम की सुविधा भी मिलेगी. यह सभी पद 2 वर्ष के अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे, जिन्हें बाद में पॉलिसी एक्ट के तहत रेगुलर किया जाएगा। नियुक्त किए गए उम्मीदवार प्रदेश की एमएनसी कंपनियों, सिपला, गोदरेज, कैडबरी , चेकमेट , डाबर, मारुति ,हीरो होंडा, विभिन्न बैंकिंग, मेडिकल कॉलेज , हिमाचल स्टेट रूरल कॉरपोरेशन, स्टेट पावर कॉरपोरेशन, पीएचसी हॉस्पिटल, हिमाचल स्टेट पावर प्रोजेक्ट, फाइनेंस सेक्टर, एलआईसी, स्टेट कोऑपरेटिव सोसायटी, मॉल, एनजीओ, सरकार के पंजीकृत औद्योगिक क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देंगे। नियुक्त किए गए उम्मीदवारों को हिमाचल प्रदेश में कुल्लू, मंडी, सोलन, कांगड़ा, हमीरपुर, सिरमौर ,उना ,मोहाली ,चंडीगढ़, जीरकपुर , दिल्ली, नोएडा, जालंधर क्षेत्रों में कहीं भी तैनाती दी जा सकती है। यह तमाम भर्ती प्रक्रिया मार्च माह के अंत में पूरी कर ली जाएगी। चुने गए उम्मीदवारों की सूची अधिकारिक वेबसाइट में भी प्रेषित कर दी जाएगी। उम्मीदवार अधिकतर जानकारी के लिए कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 94181-39918 94184-17434 62305-90985 पर संपर्क कर सकते हैं।
सीपीएस ने किया खेल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ फर्स्ट वर्डिक्ट। पालमपुर मुख्य संसदीय सचिव शहरी विकास एवं शिक्षा आशीष बुटेल ने शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा मैदान में राज्यस्तरीय होली महोत्सव पर आयोजित होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। पहला मैच एसडीएम और मेला कमेटी की टीमों के मध्य खेला था। आशीष ने कहा कि पालमपुर होली लोगों का और उनकी आस्था से जुड़ा पर्व है और उत्सव के आयोजन में हर वर्ग का भरपूर सहयोग प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि लोगों की सहभागिता से ही महोत्सव को आकर्षक बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि महोत्सव में खेलों, प्रदर्शनियों, डॉग शो, फ्लावर शो, बेबी शो, फैंसी ड्रेस, मनोरंजक खेलों और सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जा रहा है, ताकि इसमें सभी की सहभागिता को सुनिश्चित बनाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने होली महोत्सव के आयोजन से पूर्व होली कला मंच को ठीक करने के आदेश दिए, ताकि महोत्सव में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक संध्याओं में किसी रूप से कोई कठिनाई न हो। इस अवसर पर महापौर पूनम बाली, उपमहापौर अनीश नाग, पार्षद, राज कुमार और गोपाल नाग, सुरेंदर सूद, विजय शर्मा, अश्वनी सूद, एसडीम पालमपुर डॉक्टर अमित गुलेरिया, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त एस एम सैनी, डीएफओ नितिन पाटिल, डीएसपी पालमपुर गुरवचन सिंह व तहसीलदार सार्थक शर्मा सहित खिलाड़ी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सरकार द्वारा हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण व ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने पर दिया जा रहा बल फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन प्रदेश सरकार द्वारा हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण व ग्रीन मोबिलिटी अभियान के तहत विद्युत वाहन के उपयोग पर विशेष बल दिया जा रहा है। इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए, हिमाचल सरकार ने परिवहन विभाग को पूर्ण रूप से विद्युत वाहन उपयोग करने वाला देश का प्रथम सरकारी विभाग बनाया है। इसी कड़ी में ज़िला सोलन के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को भी एक विद्युत वाहन उपलब्ध करवाया गया है। ज़िला सोलन में विद्युत वाहन के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए 27 चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जिसके लिए भूमि का चयन किया जा चुका है। ज़िला सोलन में शीघ्र-अतिशीघ्र चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए भूमि स्थानान्तरण का कार्य भी आरम्भ किया जा चुका है। अब तक कण्डाघाट और सोलन उप मण्डल में चार्जिंग स्टेशन के लिए चिन्ह्ति भूमि को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के नाम स्थानांतरण किया जा चुका है। अर्की उपमण्डल में 17 चिन्हित स्थानों पर एफ.सी.ए को कार्यवाही हेतु मामला भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, ज़िला सोलन में 73 अन्य स्थानों पर भी विद्युत वाहन की चार्जिंग के लिए सुविधा उपलग्ध की जाएगी जिसमें सरकारी कार्यालय स्वास्थ्य विभाग, विश्राम गृह, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, पेट्रोल पंप आदि शामिल होंगे। प्रदेश सरकार के पर्यावरण संरक्षण एवं इलैक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की पहल में ज़िला सोलन का क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, ज़िला में विद्युत वाहन उपयोग करने वाला पहला कार्यालय है। प्रदेश सरकार की यह पहल, ज़िला सोलन में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाया गया एक प्रभावी कदम है। सरकार द्वारा विद्युत वाहनों को बढ़ावा देने के लिए टोल टैक्स में छुट भी दी जा रही है। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को उपलब्ध करवाई गई विद्युत वाहन में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है और इसमें सुरक्षा के लिए एयर बैग भी उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त, वाहन में फोग लैम्प, इलैक्ट्रिकल हैंड ब्रेक इत्यादि की सुविधा भी उपलब्ध है। वाहन की अतिरिक्त जानकारी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को दिए गए विद्युत वाहन नेक्सन ईवी मैक्स है। इसमें 40.5 kWh लिथियम-आयन बैटरी पैक का इस्तेमाल किया गया है, जो एक बार फुल चार्जिंग पर (मानक परीक्षण स्थितियों के तहत) 437 किलाेमीटर की एआरएआई-प्रमाणित रेंज देता है। यह एक परमानेंट मैगनेट सिक्रोनस एसी मोटर को पावर देता है। जिसमें 142 बीएचपी और 250 एनएम का आउटपुट मिलता है। यह कार नौ सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। नेक्सन ईवी मैक्स या तो 3.3 kW चार्जर पर 7.2 kW AC फास्ट चार्जर के साथ आता है। बाद वाला 6.5 घंटे में कार की बैटरी को फुल चार्ज कर सकता है। 50 kW DC फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करके कार को सिर्फ 56 मिनट में शून्य से 80 प्रतिशत तक चार्ज किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय पर्यटन मंत्री से की भेंट फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गत देर सायं नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें अवगत करवाया कि प्रदेश सरकार पर्यटन विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है और इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नवीनतम पग उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अंतर्गत कांगड़ा जिला के पौंग और मंडी जिला के जंजैहली क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय से अनुमोदित सलाहकारी संस्था शीघ्र ही अपनी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगी। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों को भी स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के अगले चरण में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कांगड़ा जिला को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। कांगड़ा जिला में जलाशय, धार्मिक स्थल, साहसिक गतिविधियों के साथ-साथ विहंगम धौलाधार पर्वत श्रृंखलाओं से जुड़े पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। कांगड़ा जिला में पर्यटन अधोसंरचना का विकास कर इसे संपन्न वर्गों के पसंदीदा पर्यटन गंतव्य के रूप में भी उभारा जाएगा। उन्होंने कहा कि धौलाधार श्रृंखला में टेंट सिटी निर्मित करने के लिए प्रदेश सरकार एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर पर्यटन मंत्रालय को प्रस्तुत करेगी। राज्य सरकार इसके लिए उपयुक्त भूमि और सड़क सुविधा भी प्रदान करेगी। इस टेंट सिटी की क्षमता 200 से अधिक कमरों की होगी और इसमें उत्तम सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में प्रस्तावित सम्मेलन केंद्र का निर्माण एशियन विकास बैंक परियोजना के अन्तर्गत किया जाएगा और यह भी पर्यटन को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में हेलीपोर्ट के निर्माण का निर्णय लिया है, ताकि हवाई सेवा के माध्यम से पर्यटन को विस्तृत स्तर पर प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे का विस्तार शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा और इसकी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना के अंतर्गत भी पर्यटन गंतव्य विकसित किए जाएंगे। प्रदेश में 25 ऐसे पर्यटन गंतव्यों को विकसित करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि इन स्थलों पर पर्यटकों के लिए विभिन्न प्रकार की अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने हिमाचल को धरोहर विकास में शामिल करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि माता चिंतपूर्णी मंदिर को प्रसाद योजना के अंतर्गत विकसित किया जाएगा। इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सुविधाएं प्राप्त होंगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस वर्ष अप्रैल माह में नई दिल्ली में निवेशकों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सुझाव दिया कि हिमाचल में पर्यटन की अपार संभावनाओं, भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया एवं पर्यटन उद्यम स्थापित करने के लिए अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को सुगम बनाने संबंधी एक विस्तृत एवं व्यापक प्रेजेंटेशन तैयार की जाए ताकि इस क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश को आकर्षित किया जा सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को हिमाचली शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने पर्यटन मंत्री को हिमाचल आने के लिए आमंत्रित भी किया। मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली, विधायक केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, महाधिवक्ता अनूप रत्न, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती तथा मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी, धर्मशाला शम्मी शर्मा ने बताया कि सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड, आरटीए झबोला, जिला बिलासपुर ने सिक्योरिटी सुपरवाइजर और सिक्योरिटी गार्ड के 200 पद (केवल पुरुष) अधिसूचित किए हैं। इन्हें भरने के लिए कांगड़ा जिला में 14 फरवरी को उप रोजगार कार्यालय बैजनाथ, 15 को क्षेत्रीय रोज़गार कार्यालय धर्मशाला और 16 फरवरी को उप रोज़गार कार्यालय नूरपुर में पात्र युवाओं के साक्षात्कार लिए जाएंगे। साक्षात्कार प्रातः 10 बजे से आरंभ होंगे। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास, कद 168 सेंटीमीटर से अधिक तथा आयु 21 वर्ष से 37 वर्ष रखी गई है। क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा प्रतिमाह 15500 से 18000 वेतनमान दिया जाएगा व उनका कार्यस्थल सोलन, शिमला, ऊना, बद्दी, परमाणु तथा चंडीगढ़ रहेगा। उन्होंने कहा कि इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित तिथियों को अपने मूल प्रमाण पत्रों एवं अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार कार्यालय पधार कर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। इसे लेकर अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8558062252 पर संपर्क किया जा सकता है।
तिलक राज। कांगड़ा नॉदर्न इंटरनैशनल ऑफ़ एजुकेशन रिसर्च सेंटर के सौजन्य से संचालित शरण कॉलेज ऑफ एजुकेशन फॉर वूमेन व स्कालर्ज इंटरनेशनल स्कूल घुरकड़ी (कांगड़ा) में 19वां स्थापना दिवस हर्षोउल्लास से मनाया गया। जिसमें कॉलेज प्रबंधक एचके चांद सैनी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कॉलेज पधारने पर उनका भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान कॉलेज प्रशिक्षुओं ने विभिन्न प्रकार के रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलित कर की गई। तत्पश्चात डीएलएड द्वितीय वर्ष की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का आगाज किया गया। तत्पश्चात बीएड प्रथम वर्ष की तन्वी ने 'मैं नाचूं आज छमछम' गाने पर एकल नृत्य प्रस्तुत कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। डीएलएड प्रथम वर्ष की काजल ने सांय-सांय रावी, गाना गाकर चंबा की संस्कृति से अवगत करवाया। कार्यक्रम में डीएलएड प्रथम वर्ष की छात्राओं द्वारा की गई पहाड़ी नाटी आकर्षण का केंद्र रही। बीएड द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने पुराने गानों पर नृत्य कर धूम मचाई। बीएड प्रथम वर्ष की छात्राओं ने अपने नृत्य के माध्यम से राजस्थान की झलक दिखाई। अंत में डीएलएड द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने पंजाबी भांगड़ा कर सबको नाचने के लिए मजबूर कर दिया। तदुपरांत अंत में कॉलेज प्राचार्या ने मुख्यातिथि के साथ-साथ सभी अतिथियों आभार व्यक्त करते हुए तहेदिल से सभी का धन्यवाद किया और आज के खास दिन के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर संस्थापक एच के चांद सैनी, चैयरमेन अंशुल सैनी, निदेशक शालिनी सैनी, कालेज प्राचार्य डॉ सुमन शर्मा, आकदमिक हेड मल्लिका शर्मा, शिखा मेहता, नीलम सैनी सहित अध्यापक और छात्र मौजूद रहे।
डीएसपी कांगड़ा ने जीएवी के छात्रों को किया अगाह तिलक राज। कांगड़ा नशा भविष्य को चौपट कर देगा और एक बार नशे की लत लग गई, तो फिर कभी भी उससे छुटकारा नहीं मिलेगा। डीएसपी कांगड़ा मदन धीमान ने जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा के 9वीं, 10वीं व 12वीं के छात्र-छात्राओं को नसीहत दी कि वे सब इन घातक सेवनों से अपने आप को दूर रखें। धीमान ने कहा कि किशोरावस्था में अकसर छात्र इन सब चीजों के प्रति आकर्षित होते हैं, जिसका आगे चलकर परिणाम घातक हो सकता है। धीमान ने कहा कि इस अवस्था में आसानी से कुछ भी सीखा जा सकता है और वाहन चलाना भी बच्चे आसानी से सीख जाते हैं, लेकिन हमेशा याद रखना 18 वर्ष से पहले सड़क पर वाहन चलाना गैर कानूनी है। अगर कोई बच्चा वाहन सीखना चाहता है, तो वह घर या आसपास के क्षेत्र में चलाना सीख ले, लेकिन उसको सड़क पर न दौड़ाएं। डीएसपी ने छात्रों से कहा कि मेहनत करें, तो उसका फल अवश्य मिलेगा और कोई भी शक्ति उसमें बाधक नहीं बन सकती। उन्होंने किसान का उदाहरण देकर छात्रों को इसे समझाया। उन्होंने छात्रों को आगाह किया कि वे कभी कोई भी ऐसी हरकत न करें, जिससे उनके माता-पिता व संस्थान की बदनामी हो। धीमान ने कहा कि कभी भी यह न सोचना कि हमें कोई नहीं देख रहा है, हमारे कर्मी सार्वजनिक स्थानों पर निगाह रखे हुए हैं और संबंधित संस्थान व अभिभावकों को भी सूचना दे दी जाती है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुनील कांत चड्ढा ने छात्रों से अपील की कि वे स्कूल वर्दी का सम्मान करें और छोटी होने पर किसी भी अनजान व्यक्ति को न दें और न ही इसे सार्वजनिक स्थान पर फैंकें, क्योंकि इस वर्दी का कोई भी दुरुपयोग कर सकता है। इससे पहले दसवीं व जमा दो के छात्रों के लिए स्कूल में हवन यज्ञ किया गया, जिसमें स्कूल प्रबंधन कमेटी के सदस्य अजय वालिया ने छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। स्कूल प्रबंधन कमेटी की अध्यक्ष नीना पाहवा का संदेश छात्रों को सुनाया गया।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला भाजपा नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने गोवा राज्य के प्रवास के दौरान, गोवा के लोकप्रिय मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से शिष्टाचार भेंट की। दोनों नेताओं के बीच महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
नेहा धीमान। राजगढ़ हिमाचल होम्योपैथी कल्याण संघ आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान से राजगढ़ में शिष्टाचार भेंट की, जिसमें संघ ने अपनी मांगों को मंत्री के समक्ष रखा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि हम आपकी मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा। इस मीटिंग में हमारे साथ नोनी पंचायत के प्रधान मदन हिमाचली, संजय, डॉ. आशीष शर्मा. डॉ यश चौहान और संघ के अध्यक्ष डॉ. राम मौजूद रहे।
कपिल शर्मा । सिरमौर हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ ने खंड स्रोत केंद्र समन्वयक माध्यमिक के पद पर केवल प्रवक्ताओं की प्रतिनियुक्ति मांग की है। विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर अध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर, राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र नेगी, जिला महासचिव आईडी राही, राज्य कार्यकारिणी सदस्य संजय शर्मा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, जिला मुख्यालय महासचिव हिमांशु भारद्वाज तथा जिला के अन्य कार्यकारिणी के सदस्यों ने राज्य परियोजना अधिकारी से निवेदन किया है कि वर्तमान परिस्थित मे जब राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान को भी सर्व शिक्षा अभियान के साथ जोड़ा गया है तथा केंद्र समन्वयक का कार्य उच्च एवं माध्यमिक पाठशाला के साथ समन्वय बनाना है। अतः इस पद पर केवल और केवल प्रवक्ता वर्ग से ही प्रतिनियुक्ति की जानी तर्कसंगत है। केंद्र खंड समन्वयक पर विद्यालय से समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ विद्यालय की बहुत सारी गतिविधियों का निरीक्षण करने का उत्तरदायित्व भी होता है। अतः यह किसी भी हालात में उचित नहीं है कि एक कनिष्ठ अधिकारी अपने वरिष्ठ अधिकारी संस्था का निरीक्षण करें तथा निरीक्षक पत्रिका आदि में अपनी टिप्पणियां दर्ज करें। गौरतलब है कि इस मुद्दे पर विभिन्न विद्यालयों में भी इस विषय पर मतभेद हो चुके हैं तथा नई शिक्षा नीति एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान को सुचारू ढंग से चलाने के लिए भी यह अत्यंत अनिवार्य है कि वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा उच्च विद्यालय के निरीक्षण हेतु समन्वय स्थापित करने वाले स्रोत समन्वयक पद पर केवल और केवल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्रवक्ता पद का दीर्घ अनुभव रखने वाले प्रवक्ताओं को ही प्रतिनियुक्त किया जाए।
मनीष ठाकुर। इंदाैरा पुलिस चौकी नगरोटा सूरियां के अंतर्गत नाकाबंदी में देर शाम को एक कार से 11 पेटियां अंग्रेजी शराब जमाइका 3 एक्स रम पकड़ी। पुलिस के अनुसार पुलिस चौकी हेड कांस्टेबल विजय कुमार के नेतृत्व में नाकाबंदी के दौरान नगरोटा सूरियां में एचपी (40 सी 9444) (आई 20) कार को रोका गया, जिसे चालक राजीव राणा पुत्र किशन सिंह राणा निवासी गांव कोठरू डाकघर सलोल तह व थाना कांगड़ा तथा इसके साथी करतार सिंह पुत्र खजान सिंह निवासी गांव व डाकघर तियारा थाना गग्गल तह व जिला कांगड़ा थे तथा तलाशी से कार के अंदर से अंग्रेजी शराब जमाइका 3 एक्स रम की 11 पेटियां पकड़ी, जिससे कुल 132 बोतलें कुल मात्रा 99,000 मिलीलीटर अबैध शराब बरामद की गई। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी नूरपुर मदन कुमार ने कहा कि कार चालक व साथी पर आवकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार व शराब को कब्जे में ले लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दाे पूर्व मुख्यमंत्रियों के सुरक्षा कर्मी रह चुके अनूप कुमार शर्मा को 15 अप्रैल को शिमला में किया जाएगा सम्मानित वर्तमान में दबंग पुलिस अधिकारी के नाम से जाने जाते हैं एएसआई अनूप कुमार शर्मा मीनाक्षी साेनी। हमीरपुर हमीरपुर के भटवाड़ा गांव के हिमाचल पुलिस में तैनात एएसआई अनूप कुमार शर्मा को वर्ष 2021-22 में बेहतरीन सेवाओं के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश पुलिस 15 अप्रैल को शिमला में एएसआई अनूप कुमार शर्मा को बेहतर सेवाओं के लिए उत्कृष्ट सेवा पदक से नवाजेगी। एएसआई अनूप कुमार शर्मा वर्तमान में कांगड़ा जिला के आलमपुर में चौकी प्रभारी हैं। वर्ष 2021 में वह सुजानपुर थाना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी बेहतरीन कार्यप्रणाली व कार्यकुशलता के चलते करीब 2 वर्षों में एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 25 मामले दर्ज किए थे। दबंग पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाने वाले अनूप कुमार शर्मा ने सुजानपुर में सेवाएं देते हुए नशे के खिलाफ अभियान चलाया था, जिसमें नशीले पदार्थों को भी जब्त किया था। इसके अलावा सुजानपुर थाना में बतौर मुंशी के पर सेवाएं देते हुए उन्होंने वर्ष 1885 से अब तक का पुलिस रिकॉर्ड संभाल कर रखने व उसे दुरुस्त करने में भी अहम योगदान दिया था। अनूप कुमार शर्मा ने अपराधिक घटनाओं हत्या जैसे मामलों को सुलझाने में भी अहम योगदान दिया। वर्ष 2021 में सुजानपुर थाना के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र चौरी में हुई हत्या मामले को उन्होंने अपनी कार्यकुशलता से सुलझाया था और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें इस सम्मान के लिए चयनित किया गया है। एएसआई अनूप कुमार शर्मा तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के सुरक्षाकर्मी रह चुके हैं और वर्तमान में वह कांगड़ा जिला में अपनी सेवाएं चौकी प्रभारी के रूप में दे रहे हैं। एएसआई अनूप शर्मा ने इस सम्मान के लिए पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों व सरकार का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि जो भी दायित्व उन्हें अब तक मिला है, उस दायित्व को उन्होंने अभी तक ईमानदारी व निष्ठा से निभाया है। आगे भी जो भी दायित्व हिमाचल पुलिस की तरफ से उन्हें समाज की सेवा के लिए मिलेगा, उसे भी वह ईमानदारी और पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
विनायक ठाकुर। देहरा अन्तराष्ट्रीय वर्ष 2023 के अंतर्गत विकास खंड देहरा के ग्राम पंचायत हडोली के गांव सलोआ में आत्मा परियोजना के माध्यम से जी -20 सम्मेलन के साथ होने बाले प्राकृतिक खेती दुआरा खाद्य एवं एक दिवसीय किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 50 महिला किसानों को पोषक मोटे अनाज जैसे मंडल, चोलाई, सांबा व कंगनी आदि के बारे में बताया गया। इस मौके पर परियोजना उपनिदेशक आत्मा, कांगड़ा, डॉ. दिनेश राणा ने शिविर में बतौर मुख्यातिथि शिरक़त की। उन्होंने किसानों को बताया कि मोटा अनाज कहने को तो मोटा अनाज है, पर मोटे अनाज में फाइबर्स, कैल्शियम और आयरन काफी मात्रा में होता है। हरित क्रांति के बाद मोटा अनाज किसानों के खेतों से बाहर चला गया था, लेकिन अब किसानों में मोटे अनाज के प्रति रुजान देखा जा रहा है। शिविर में उपस्थिति स्वरूप धीमान, (चिन्मय ग्रामीण विकास संगठन, सिद्धबाड़ी) ने किसानों को मोटे अनाज से बनने वाले कुछ वियंजनाें के बारे में बताया और मोटे अनाज को प्राकृतिक तरीके से लगने के बारे में जानकारी दी। साथ में उन्होंने मोटे अनाज की मेडिसिनल वैल्यू के बारे में भी किसानों को अवगत किआ। इस मौके पर विकास खंड देहरा से बीटीएम डिंपल ठाकुर, एटीएम दीपक ठाकुर, सीआईं टेक चंद व बीडीसी प्रेम लता मौजूद रहे।
विनायक ठाकुर। जसवां-परागपुर विश्व के पहले धरोहर गांव गरली-परागपुर में सुखु सरकार द्वारा नक्की खड्ड के साथ लगती 27 एकड़ सरकारी भूमि चिह्नित की है। बताते चलें कि इस जमीन पर सरकार पर्यटन दृष्टि से गोल्फ कोर्स बनाने जा रही है। इस जमीन का सर्वेक्षण करने के लिए नाल देहरा गोल्फ कोर्स के विशेषज्ञों की टीम पिछले हफ्ते इस स्थान का दौरा कर चुकी है। इसे सर्वेक्षण टीम ने स्थान को पूरे तरीके से गोल्फ कोर्स निर्माण के लिए सही बताया है। बताते चलें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखु द्वारा कांगड़ा जिला को पर्यटन दृष्टि से विकसित करने की बात कहीं थी, जिस पर अब सरकार अमली जामा पहनाते हुए भी नजर आ रही है। सुक्खू सरकार द्वारा वनखंडी में एक बड़ा चिड़ियाघर खोलने की कवायद की है। वहीं, अब इसी बीच धरोहर गांव गरली परागपुर में भी इसी क्रम में अब गोल्फ कोर्स खोलने की तैयारी में है। पर्यटन विभाग के डिप्टी डायरेक्टर विनय धीमान ने बताया कि गरली-परागपुर गांव की नक्की खड्ड के साथ लगती 10.75 हेक्टेयर जमीन पर गोल्फ कोर्स बनेगा। जसवां-परागपुर विधानसभा के तहत गरली में गोल्फ मैदान तैयार हो जाने के बाद यहां विश्व भर के खिलाड़ी व खेल प्रेमी आएंगे, जिससे हेरिटेज विलेज गरली-प्रागपुर का पर्यटन व्यवसाय तो बढ़ेगा ही। अभी जयपुर, जम्मू, कश्मीर व दिल्ली आदि में गोल्फ के लिए विश्वभर से चार्टर्ड विमान आते हैं यहां भी आएंगे। एसडीएम देहरा संकल्प गौतम ने बताया कि गोल्फ कोर्स के लिए नक्की खड्ड के समीप जगह चिन्हित की गई है, जिसका सर्वेक्षण नालदेहरा गोल्फ कोर्स के विशेषज्ञों ने किया है। जल्द ही सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसका निर्माण कार्य शुरू होगा।
‘खेलो इंडिया गेम्स’ में शामिल हुए युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री हिमाचल के खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्द्धन फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह आज मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित ‘खेलो इंडिया गेम्स’ में शामिल हुए। उन्होंने इन खेलों में भाग ले रहे हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों से भेंट की और उनका उत्साहवर्द्धन किया। खेल मंत्री ने मध्य प्रदेश में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बॉक्सिंग रिंग, शूटिंग रेंज और जिम सहित खेलों से संबंधित अन्य आधारभूत संरचना का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। हिमाचल के युवाओं को बेहतर खेल ढांचा एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के खेल मॉडल का अध्ययन करने तथा यहां उपलब्ध उन्नत उपकरणों व खेल अधोसंरचना के बारे में चर्चा के लिए अधिकारियों को हिमाचल आने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया गेम्स’ के अंर्तगत कंेद्र सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली निधि से हिमाचल प्रदेश में भी खेलों के विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों से जोड़ते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं एवं उपकरण इत्यादि उपलब्ध करवाकर उनकी प्रतिभा में और निखार लाने के लिए विशेष कदम उठा रही है। इस अवसर पर युवा सेवाएं एवं खेल निदेशक राजीव शर्मा भी उपस्थित थे।
मनीष। घुमारवीं बच्चे देश हमारे देश का भविष्य हैं तथा इन्हें सही दिशा देना हम सब का कर्तव्य है। यह बात घुमारवीं के विधायक राजेश धर्माणी की पत्नी सोनिका धर्माणी ने आज चुवाड़ी स्कूल के पास स्थानीय लोगों तथा बच्चों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी जोड़ना चाहिए, ताकि वे आगे चलकर एक बेहतर नागरिक बनें। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे यह प्रण लें कि हर साल अपने जन्मदिन पर एक पौधा जरूर लगाएंगे। जैसे हम इंसानों से प्यार करते हैं, उसी तरह हमें पेड़ पौधों से भी प्यार करना चाहिए, ताकि हम अपने आसपास एक बेहतर वातावरण तैयार कर सकें। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय लोगों का भी आभार किया कि आप लोगों ने जो भरपूर प्यार हमें इन चुनावों में दिया है, उसे हमेशा याद रखेंगे तथा आपकी हर समस्या का समाधान करने की कोशिश करेंगे। इस अवसर पर सोनिका धर्माणी ने स्थानीय लोगों तथा स्कूल के बच्चों को एक हजार आड़ू तथा पलम के पौधे बांटे तथा सभी से अपील की कि इन पौधों को अपने घरों के आसपास रोपें। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतरीन किस्म के फलदार पौधे उपलब्ध करवाए गए हैं, ताकि आने वाले समय में लोग फलदार पौधों की ओर आकर्षित हों तथा इसे अपनी आमदनी का साधन बनाएं। इस मौके पर स्थानीय स्कूल की मुख्या अध्यापिका व स्कूल स्टाफ ने बच्चों और स्कूल स्टाफ को फलदार पौधे उपलब्ध करवाने के लिए सोनिका धर्माणी जी का धन्यवाद किया। इस अवसर पर राजीव शर्मा, वार्ड मैंबर श्याम लाल, शकुंतला देवी, देवराज, माला देवी, रति राम व राजेंदर कुमार आदि उपस्थित थे।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने कहा कि वर्तमान सरकार ने बजट का समुचित प्रावधान करने के बाद ही पुरानी पेंशन योजना लागू की है। संजय रत्न ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनावों में प्रदेश के कर्मचारियों से ओपीएस को लागू करने का वादा किया था, जिसे प्रदेश सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट में ही लागू करके पूरा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ओपीएस मसले पर कर्मचारियों को सिर्फ गुमराह ही करती आई है, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रदेश में ओपीएस लागू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब जो भी कर्मचारी रिटायर होंगे, उन्हें ओपीएस के तहत पेंशन का प्रावधान होगा। संजय रत्न ने कहा कि अब तो केवल इसके लिए एसओपी व नियमों को अंतिम किया जा रहा है, जो कि एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को इसको लेकर भ्रम नहीं फैलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रतिज्ञा पत्र की अन्य सभी गारंटियों को भी चरणबद्ध ढंग से पूरा किया जाएगा। संजय रत्न ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार अपने वादों पर खरा उतरने में नाकाम रही है। पिछली सरकार ने वेतन आयोग की सिफारिशें तो लागू कर दीं, लेकिन कर्मचारियों व पेंशनरों को इसका देय बकाया भी नहीं दिया। इसके साथ ही महंगाई भत्ते की भी केवल घोषणा हो की और उनके कार्यकाल में कर्मचारियों को इसकी अदायगी भी नहीं हो सकी।
समाराेह में विधायक सुधीर शर्मा ने की बताैर मुख्यातिथि शिरकत फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के पंचायत रक्कड़ में आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रक्कड़ का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के विधायक सुधीर शर्मा मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में सबसे पहले स्काउट एंड गाइड द्वारा सलामी दी गई। तदोपरांत मां सरस्वती का वंदन किया गया व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। छोटे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। सभी को संबोधित करते हुए विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि रक्कड़ विद्यालय को उन्हीं के पिछले कार्यकाल में वर्ष 2016 में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दर्जा दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि रक्कड़ स्कूल को प्रदेश सरकार द्वारा मॉडल स्कूल के रूप में चयनित करवाया जाएगा, ताकि सभी प्रकार कि सुविधाएं छात्र-छात्राओं को मिल सकें । मॉडल स्कूल के अंतर्गत बच्चों को अच्छी शिक्षा, भव्य भवन, खेल मैदान, स्मार्ट क्लासरूम एक ही जगह प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों की प्रतिस्पर्धा न केवल सहपाठियों से है अपितु वैश्विक स्तर पर पढ़ने वाले बच्चों से है। आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य निर्धारण करना अति आवश्यक है, ताकि पूरी लगन और तन्मयता के साथ आगे बढ़ा जा सके। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम करने वाले बच्चों को अपनी ओर से 21000 की सम्मान राशि देने की घोषणा की। इस मौके पर सभी अधिकारी, अभिभावक व स्थानीय लोग व स्कूल विद्यार्थी मौजूद रहे।
किशाेर गुप्ता। चंबा अपनी कुर्सी बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने एक दिन में छह सीपीएस बना दिए और उसी दिन पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए। ऐसा सिर्फ इसलिए किया गया, ताकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू अपनी सरकार को गिरने से बचा सके। इसका सारा बोझ प्रदेश की आम जनता पर पड़ा है। आटे के दाम में भी बढ़ोत्तरी कर दी गई। ये बात हिमाचल भाजपा प्रदेश सचिव जय सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने वेतन मिलने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार के मंत्री और मुख्यमंत्री मौज मस्ती करने में लगे हैं। ये सरकार डीनोटीफाई सरकार है। जिस हिसाब से ये सरकार कार्य कर रही है। उसका हिसाब सरकार को 2024 में देना होगा। पूर्व भाजपा सरकार ने जनता की सुविधा के लिए जो सुविधाएं शुरू की थी। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही उन सुविधाओं को बंद कर दिया। इसको लेकर भाजपा कांग्रेस से जवाबदेही मांगेगी। सत्ता पाने के लिए कांग्रेस ने हिमाचल की जनता को 10 गारंटियां दी थी, जिनके दम पर प्रदेश में कांग्रेस की सुक्खु-मुक्खु सरकार बन गई, लेकिन अब यह सरकार अब अपने चुनावी गारंटियों से मुकर रही है। इस बात का प्रमाण हाल ही में मौजूदा सरकार के एक मंत्री द्वारा बागबान ओ किसानों द्वारा फलों की कीमत तय करने से मुकरने करने का प्रमाण है। 5 लाख नौकरियां देने का वादा करने वाली कांग्रेस सरकार युवाओं को बेरोजगारी का तोहफा दे रही है। 300 यूनिट बिजली फ्री कब यह सरकार देने जा रही है, इसकी अभी तक कोई भी घोषणा नहीं की है। चुनावों के दौरान घर-घर जाकर प्रत्येक महिला को 1500 रुपए हर माह देने के फॉर्म भरवाने वाली कांग्रेस पार्टी अब एक परिवार से एक महिला को 1500 रुपए देने की बात कह रही है। यही नहीं इसके लिए भी उसने कई शर्तें निर्धारित की है, जो हिमाचल की मातृशक्ति के साथ छलावा है। पशुपालकों से हर दिन 10 लीटर दूध खरीदने की गारंटी और 2 रुपए प्रति किलो गोबर खरीदने की गारंटी देने वाली कांग्रेस सरकार अपनी इन गारंटिओं को कब पूरा करेगी। हरगांव को मोबाइल क्लीनिक के माध्यम से मुफ्त चिकित्सा सुविधा देने का दावा करने वाली सरकार ने अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता रविंद्र रवि ने राहुल गांधी द्वारा सदन में दिए गए बयान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के वक्तव्य को झूठ का पुलिंदा बताया। उन्होंने कहा की जिस प्रकार राहुल गांधी ने झूठ को सच साबित करने का असफल प्रयास लोकसभा में किया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। राहुल गांधी और उनका परिवार जमानत पर चल रहा है और जनता जानती है कि क्यों चल रहा है? सार्वजनिक जीवन में कोई भी, किसी के भी साथ फोटो खिंचवा सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि उसके साथ किसी व्यक्ति के निजी संबंध हों। ऐसे तो राहुल गांधी, सोनिया गांधी, उनके परिवार के सदस्यों, कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ भी कई बड़े व्यापारियों के चित्र हैं। इसका मतलब यह नहीं कि वहे भी उनके साथ जुड़े हैं। राहुल गांधी ने संसद में जो कुछ कहा है, वह सब झूठ है झूठे आरोप लगाना और फिर भाग जाना राहुल गांधी की आदत रही है। वह हमेशा झूठ की राजनीति करते रहे हैं। कांग्रेस में अधिकतर नेता भ्रष्टाचार के आरोपों में शामिल हैं। रविन्द्र रवि ने पूछा है कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि नेशनल हेराल्ड स्कैंडल क्या है? किस तरह उन्होंने और उनके परिवार ने देश भर में फैली हजारों करोड़ रुपए की संपत्ति हड़प ली। अगस्ता वेस्टलैंड में कमीशन किसने कमाया। इस पर भी राहुल गांधी जवाब दें।
वर्तमान में गद्दीशीन बाबा प्रीत चंद महाराज ने की बैठक की अध्यक्षता मनीष ठाकुर। इंदाैरा बाबा फकीर चंद महाराज की तपोभूमि जै मां आश्रम सुघ भटोली में मंदिर कमेटी की बैठक का आयोजन आज वर्तमान में गद्दीशीन बाबा प्रीत चंद महाराज की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर मंदिर के संचालक बाबा प्रीत चंद महाराज ने उपस्थित उपरोक्त भक्तों से कहा कि पूज्य बाबा फकीर चंद महाराज के कार्यकाल में मंदिर परिसर में शुरू करवाए गए बीएड कॉलेज में अब मुझे कमेटी का उपाध्यक्ष तो जरूर बनाया गया है, किंतु बीएड कमेटी का कार्य संतोषजनक नहीं है, जिससे मंदिर से आस्था रखने वाले भक्तों द्वारा दी जाने वाली सहयोग राशि का बीएड कमेटी निरंतर दुपयोग कर रही है। मेरे समक्ष बीएड कॉलेज कमेटी वाले कोई भी आय व्य्य का लेखा-जोखा नहीं रखते व किसी भी प्रकार की खरीद-फरोख्त हेतु मुझसे कोई भी विचार-विमर्श नहीं होता और न ही क्षेत्र के गणमान्य लोगों व मंदिर से आस्था रखने वाले हमारे भक्तों को इन खर्चों बारे बताया जाता है। इस संदर्भ में बाबा प्रीत चंद महाराज ने मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तों साथ बैठक में चिंता प्रकट करते हुए कहा कि कमेटी को कार्यो में पारदर्शिता लानी होगी। इसके लिए मंदिर से जिन भक्तों की आस्था है व जिनका मंदिर परिसर के सभी विकास कार्यों में निरंतर सहयोग रहता है, उन सभी को जर्नल हाउस में बुला करके आम बैठक में माध्यम से पुनः मंदिर व बीएड कमेटी का गठन किया जाए, ताकि मंदिर परिसर में सभी विकास कार्य पूर्व की भांति जारी रह सकें, जिससे मंदिर की बिगड़ती दशा को सुधारा जा सके। इस बैठक में क्षेत्र के गोविंद सिंह, संतोख सिंह, बकील सिंह, बशंभर दास, वीर सिंह, गणेश कुमार, जरनैल सिंह, सेवा सिंह, केवल सिंह, गुड्डू, शिव कुमार व सैंकड़ों की तादात में मंदिर व बाबा के भक्तों व मातृ शक्ति ने भाग लिया। इस अवसर पर निकटवर्ती पंचायत के पूर्व प्रधान ठाकुर जरम सिंह ने कहा कि मंदिर की गाैशाला की हालत भी अब खराब होती जा रही है व मंदिर की चरण गंगा में भी साफ सफाई नहीं रहती, जो कि चिंता का विषय है तथा इस संदर्भ में के निकटवर्ती पंचायतों के सभी भक्तों व गणमान्य लोगों को एक जुट होकर कर मंदिर परिसर के सभी विकास कार्यों में निरंतर सहयोग करना चाहिए।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महादेव में वीरवार को वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस उत्सव में मुख्यातिथि के रूप में ज्वालामुखी के नवनिर्वाचित विधायक संजय रतन ने शिरकत की कार्यक्रम में पहुंचने पर फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ देकर के स्कूल प्रिंसिपल और स्टाफ ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रिंसिपल जोगिंद्र कुमार ने स्कूल की वार्षिक शैक्षणिक व खेलकूद गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की स्कूल के प्रतिभावान छात्राओं के बारे में अवगत करवाया। मुख्यातिथि संजय रतन ने कहा कि ज्वालामुखी को शिक्षा के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ देखना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। बच्चों के भविष्य को संवारने का कार्य अध्यापक और अभिभावक ईमानदारी से करें, तो बच्चे निश्चित रूप से देश का भविष्य बनेंगे उन्होंने कहा कि ज्वालामुखी विधानसभा के स्कूल शैक्षणिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। उनका भी ध्येय है की शिक्षा का के क्षेत्र में विधानसभा के हर स्कूल के छात्र आगे बढ़ें और प्रतिभावान बने। शिक्षक भी बच्चों की प्रतिभा को निखारने का कार्य ईमानदारी से करें। सामाजिक बुराइयों और नशे से दूर रहकर अपना भविष्य बच्चे हर क्षेत्र में निखारें। उन्होंने कहा कि जब वह पहली बार विधायक बने, तो उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में इस क्षेत्र को आगे ले जाने के लिए प्रयास किए, जिनमें तीन कॉलेज खोले और दर्जनों स्कूल अपग्रेड किए उनकी दिली इच्छा है कि इस क्षेत्र के बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर अपना पहचान बनाएं। इसके लिए जिन सुविधाओं की आवश्यकता होगी, वह सरकारी स्कूलों में मुहैया करवाने का पूरा प्रयास करेंगे, ताकि इस क्षेत्र के बच्चे प्रदेश और देश में नाम ऊंचा करें। वहीं वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और देश मेरा रंगीला और अन्य देश भक्ति के गानों पर अपनी प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया। मुख्यातिथि संजय रत्न ने स्कूल के छात्रों को पुरस्कार देकर के सम्मानित भी किया। इस अवसर पर महादेव पंचायत प्रधान अनु देवी, एक्स बीडीसी चेयरमैन रणवीर सिंह, बलवंत सिंह, बाबू राम राणा, एसएमसी प्रधान मेमो देवी व गणमान्य मौजूद रहे।
विनायक ठाकुर । डाडासीबा डाडासीबा के अंर्गत गांव फलवाडा डाकघर कड़ोआ के हैड कांस्टेबल हरदीप चौहान पुत्र व्योम प्रकाश को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गृह मंत्रालय द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक से पुस्कृत किया गया। हरदीप चौहान इस समय एसपी कार्यालय धर्मशाला में सेवाएं दे रहे हैं। वहीं, उनकी उस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। हरदीप चौहान की इस उपलब्धि से उनके घर में बधाइयों का तांता लग गया है।लोगों का कहना है कि उनकी इस उपलब्धि से समस्त क्षेत्र गौरवान्वित महसूस कर रहा है। बताते चलें कि हरदीप चौहान को प्रेस क्लब जसवां-परागपुर भी अब सम्मानित करेगा।
विनायक ठाकुर । जसवां-परागपुर कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक समिति शाखा की ओर से गुरुवार को गांव सुकाहर में एफएलसी का आयोजन किया गया। इसमें शाखा प्रबंधक देवेंद्र सिंह वर्मा ने लोगों को बैंक की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर बैंक की ओर से शाखा प्रबंधक देवेंद्र वर्मा के अतिरिक्त सह कर्मचारी विजय सिंह उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों मैं स्वयं सहायता समूह की प्रधान रेनू कुमारी, महिला मंडल की प्रधान रेनू बाला, रिटायर प्रवक्ता शेर सिंह धीमान व उप प्रधान गिरधारी लाल आदि उपस्थित रहे।
फर्स्ट वर्डिक्ट। पालमपुर जिला कांगड़ा का बीड़-बिलिंग घाटी ऐसा क्षेत्र है जिसकी तकदीर और तस्वीर पैराग्लाइडिंग से बदली है। बीड़-बिलिंग के युवाओं ने पैराग्लाइडिंग को ही रोजगार के रूप में अपनाकर उदाहरण प्रस्तुत किया है। आसमान को मानवपरिंदों से गुलजार रखने वाले इस क्षेत्र के लगभग हर घर से पैराग्लाइडर पायलट है। बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग के लिए विश्व में दूसरी और एश्यिा में पहली बेहतरीन स्थली, दुनिया भर के पैराग्लाइडिंग के शौकिनों का पसंदीदा स्थान है। दुनिया भर से लोग यहां पैराग्लाइडिंग करने के लिये यहां आते हैं। यहां के युवा पैराग्लाइडिंग केवल रोजगार के लिए नहीं करवाते बल्कि ज्योति ठाकुर, अरविंद, प्रकाश, मंजीत, कमल, सुरेश जैसे दर्जनों होनहार पैराग्लाइडर्स ने चीन, नेपाल, बुलगारिया, जापान इत्यादि देशों में भारत का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का नाम भी रोशन किया है। धौलाधार पर्वत के श्रंृखला के आंचल में बीड-बिलिंग घाटी, नैसर्गिक सौंदर्य, चाय के बागानों, पहाड़ी तथा तिब्बती संस्कृति के समावेश की अनोखी झलक और पैराग्लाइडिंग के लिए विख्यात होने के कारण अंतराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर विशेष पहचान रखती है। प्रति वर्ष लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों की आवाजाही से बैजनाथ उपमंडल का छोटा सा गांव अब शहर में तबदील हो गया है। बीड़-बिलिंग घाटी में लगभग 500 से 600 युवा लाईसेंस होल्डर पैराग्लाइडिंग पायलट हैं, जो प्रतिदन पर्यटकों को टेंडम प्लाईटस करवाकर अपनी रोजी-रोटी चला रहे हैं। बीड-बिलिंग के युवाओं के अतिरिक्त यहां की युवतियां भी कई बार मानव परिंदों के रूप में धौलाधार की पहाड़ियों को नाप चुकी हैं। बीड़-बिलिंग घाटी में देश-विदेश के लोगों का पैराग्लाइडिंग सिखाने का कार्य भी हो रहा है। हजारों लोग टैक्सी, फोटाग्राफी, होटल, रेस्टोरेंट, टैंट, ढाबा, ट्रैवलिंग एजेंसी और अन्य व्यवसाय से अच्छा-खासी कमाई कर रहे हैं। समुंद्र तल से लगभग 2290 मीटर की उंचाई पर स्थित बिलिंग की खोज इजरायली पायलट ने की थी। वर्ष 1982 में हैंगग्लाइडिंग के रूप में आरंभ यह खेल समय के साथ-साथ पैराग्लाइडिंग में परिवर्तित हुआ और पूरे क्षेत्र की खुशहाली और उन्नती का माध्यम बना और लोग आर्थिक रूप में सुदृढ़ होकर अब रोजगार देने की स्थिती में हैं। प्रदेश सरकार ने बीड-बिलिंग घाटी में साहासिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए पैराग्लाइडिंग आरंभ करवाई। यहां पैराग्लाइडिंग को बढ़ावा देने के लिए समय-समय राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से दुनियां भर से पैराग्लाइडिंग के शौकिन और पर्यटक यहां आने लगे। सरकार ने पैराग्लाइडिंग और साहासिक खेलों के लिए करोड़ों रुपए व्यय कर मूलभूत सुविधाओं का सृजन किया है। पैराग्लाग्डिंग में किसी प्रकार से कोई असुविधा नहीं हो, बीड़ में लगभग 68 कनाल भूमि का अधिग्रहण लैंडिंग के लिए किया है। इस क्षेत्र को विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) के अंतर्गत लाकर इस क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण पर पूर्ण प्रतिबंध है। मुख्य संसदीय सचिव एवं बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने कहा कि पैराग्लाडिंग से बैजनाथ क्षेत्र को विश्व में पहचान मिली है। यहां खिलाड़ियों और पर्यटकों को और अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पैराग्लाडिंग से इस क्षेत्र का तेजी से विकास हुआ है और लोग आर्थिक रूप में सुदृढ़ हुए हैं। उन्होंने बताया कि विधायक प्राथमिकता बैठक में बिलिंग तक रोप-वे निर्माण का प्रस्ताव दिया गया है। विशेषज्ञों की राय के उपरांत अगर संभव हुआ तथा पैराग्लाडिंग के लिए कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई तो रोप-वे लगवाने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि साहसिक खेलों के अतिरिक्त पर्यटन को और बढ़ावा मिले।
फर्स्ट वर्डिक्ट। बैजनाथ मुख्य संसदीय सचिव कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, किशोरी लाल ने बैजनाथ स्थित महाराजा पैलेस में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि पधारे। सीपीएस का इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों व फूल मालाओं तथा आतिशबाजी से जोरदार स्वागत किया। किशोरी लाल ने लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से किया हुआ वादा पूरा किया है, जो 10 गरंटिया दी गई हैं सरकार इन्हें लागू करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि उन्हें मुख्य संसदीय सचिव के रूप में जो कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई है, उस पर खरा उतरेंगे तथा ईमानदारी से जनमानस की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि बैजनाथ हलके में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा और क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी रूप में दक्ष बनाने के लिए तकनीकी संस्थान खुलवाया जाएंगे, ताकि हमारे बच्चे आत्मनिर्भर हो। उन्होंने कहा की विधानसभा चुनावों में उनकी जीत बैजनाथ के लोगों और पार्टी के कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि लोगों ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरते हुए सेवक के रूप में कार्य करेंगे। इस अवसर पर रविंदर बिट्टू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, सलाहकार अनुराग शर्मा, महासचिव रमेश चड्डा, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता जगदीश राणा, महिला अध्यक्ष जमना गोयल, युथ कांग्रेस अध्यक्ष रविंदर राव, मीडिया प्रभारी अमित शर्मा, रमेश राणा परिहार, राजिंद्र सिंह परमार, अजय अवस्थी, राज कुमार कोरा, वेदना नगर पंचायत उपाध्यक्ष, आशा भाटिया, संसार चंद राणा, प्रीति, रवि स्याल, राजिंद्र राणा, महिंद्र, राजिंद्र परमार, विकास राणा, इंद्र नंदा, राजेश राणा, संजीव ठाकुर, मिलाप भट्ट, मिलाप चौधरी, वनवीर कुमार, गुलाब राज व अनिल अवस्थी सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विनायक ठाकुर । देहरा राजकीय महाविद्यालय ढलियारा की एनसीसी यूनिट के द्वारा पोंग डैम और व्यास नदी के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत प्लास्टिक और अन्य अवशेष पदार्थ वहां से उठाया गया। यह कार्यक्रम एनसीसी मुख्यालय की तरफ से दिशा-निर्देश के अनुसार आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 40 एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि ब्रांड एम्बेसडर प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय ढलियारा डॉ. स्वादीप सूद रहे उनके साथ अन्य अतिथियों में डॉ. करण सिंह पठानिया, डॉ. सुशील भारद्वाज और कार्यालय अधिकारी दिनेश रहे। इस कार्यक्रम में बच्चों ने बहुत ही मेहनत की और प्लास्टिक इकट्ठा किया और उसको समाप्त किया। एनसीसी अधिकारी प्रो. राजीव ठाकुर ने कहा कि एनसीसी का इस कार्यक्रम के माध्यम से एक प्रयास रहा कि आम लोगों को एक संदेश दिया कि आप लोग जितने भी लोग जो नदी या बांध क्षेत्र के आसपास रहते हैं, उनमें घरों का कूड़ा कचरा है, उसको ना डालें प्लास्टिक का सामान न डालें। क्योंकि इससे जल स्त्रोत प्रदूषित हो रहे हैं। प्लास्टिक के बढ़ने से जल में रहने वाले जीव प्रभावित हो रहे हैं और पर्यावरण प्रदूषण हो रहा है। यह कार्यक्रम बहुत ही सफल रहा और इस कार्यक्रम के माध्यम से एनसीसी ढलियारा ने समाज को एक प्रेरणा प्रदान की।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उप-मुुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार रात्रि ऊना जिला के अंब उप-मंडल के बणे दी हट्टी में हुए अग्निकांड में चार बच्चों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निकांड में चार बच्चों की मृत्यु अत्यन्त दुःखद घटना है। उन्होंने जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को तत्काल हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। उप-मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवदेना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मनीष ठाकुर । फतेहपुर तहसील फतेहपुर के तहत पड़ते मुख्य मार्ग जसूर-तलवाड़ा पर स्थित खेहर नामक स्थान पर बीती रात एक गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से उतर कर पेड़ से टकरा गई, जिस कारण गाड़ी चालक की मौत हो गई। मिली जानकारी अनुसार अंकुश पुत्र सुशील कुमार निबासी तलाड़ा किसी शादी समारोह में शामिल होने के बाद रैहन से तलाड़ा अपने घर की तरफ जा रहा था कि खेहर के समीप सड़क पर घूम रहे बेसहारा पशु को बचाते-बचाते गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क के उत्तर खेतों में पहुंचती हुई पेड़ से टकरा गया, जिस कारण गाड़ी चालक अंकुश की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी में दो या तीन लोग और भी सवार थे, वाे भी जख्मी हुए हैं।आधी रात का समय होने कारण सही जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं, एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। सनद रहे मृतक अंकुश के पिता पुलिस थाना फतेहपुर में कार्यरत हैं। वहीं, मृतक की कुछ माह पूर्व ही शादी हुई थी।
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) ने कक्षा 6 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को 15 फरवरी तक बढ़ा दिया है। जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) पपरोला की प्रधानाचार्य रेणु शर्मा ने बताया कि विद्यालय में सत्र 2023-24 के लिए छठी कक्षा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 फरवरी तक बढ़ा दी गई है। वहीं, आवेदन फार्म में किसी प्रकार के सुधार के लिए 16 और 17 फरवरी को ‘ऑनलाइन करेक्शन विंडो’ खुली रहेगी। रेणु शर्मा ने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी अथवा उनके अभिभावक आवेदन करने तथा अधिक जानकारी के लिए नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाइट नवोदय डॉट जीओवी डॉट आईएन पर लॉग इन कर सकते हैं। इसके अलावा जानकारी के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय पपरोला के हेल्पलाइन मोबाइल नंबर 9876092212 तथा 9468429951 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नई दिल्ली में जापान इंटरनेशनल कारर्पोरेशन एजेंसी (जाइका) के साथ आयोजित बैठक में कहा कि एजेंसी हिमाचल प्रदेश में ग्रीन हाईड्रोजन, टनल, दुग्ध उत्पादन तथा मल निकासी क्षेत्रों के लिए समर्थन तथा आवश्यक राशि उपलब्ध करवाएगी। इस संबंध में शिमला में भी शीघ्र ही एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जाइका को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा, ताकि इस दिशा में कार्य योजना तैयार की जा सके। उन्होेंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में छोटी सुरंगें संपर्क सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ यात्रा के समय को कम करने मेे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैैं। उन्होंने जाइका से प्रदेश में सुरंग निर्माण को भी अपनी परियोजनाओं में शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन तीसरा ऐसा क्षेत्र है, जिसमें जाइका अपना सहयोग एवं तकनीक उपलब्ध करवा सकती है। इससे प्रदेश और विशेष तौर पर किसानों की आर्थिकी में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक मल निकासी तथा स्वच्छता भी प्रदेश सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हिमाचल को वर्ष 2025 तक हरित उर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। परिवहन विभाग के वाहनों को इलेक्ट्रिक वाहनों में परिवर्तित कर इस दिशा में कार्य आरंभ कर दिया गया है। प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ग्रीन हाईड्रोजन प्लांट स्थापित करने पर भी सरकार विचार कर रही है। यह महत्वकांक्षी परियोजना हरित ऊर्जा राज्य का लक्ष्य हासिल करने में मील पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। जाइका के मुख्य प्रतिनिधि सैतो मीतसूनौरी ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि एजेंसी प्रदेश सरकार की आंकाक्षाओं के अनुरूप परियोेजनाओं का कार्य करेगी। बैठक में मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर व संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के प्रधान राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिटटू, मुख्यमंत्री के ओएसडी केएस बांशटू, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती, मुख्य मंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया व मुख्य परियोजना निदेशक जाइका नागेश गुलेरिया उपस्थित थे।
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने आज और कल प्रदेश के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में शनिवार को भी बारिश-बर्फबारी हो सकती है, जबकि निचले व मैदानी इलाकों में शनिवार मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश में बीते दिनों हुई बर्फबारी से 134 सड़कें अभी भी बंद हैं। इनमें ज्यादातर सड़कें एक महीने से भी अधिक समय से बंद हैं। लाहौल स्पीति में सबसे ज्यादा 120 सड़कें, चंबा में 7, कांगड़ा, शिमला व किन्नौर में 2-2 और कुल्लू में 4 सड़कें अवरुद्ध पड़ी हैं। गौरतलब है कि प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। केलोंग का न्यूनतम तापमान गिरकर माइनस 12 डिग्री पहुंच गया है। वहीं लाहौल स्पीति के कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान माइनस 8.8 डिग्री, कल्पा का माइनस 2.2 डिग्री, मनाली 0 डिग्री, शिमला का 4.3 डिग्री, धर्मशाला 6.2 डिग्री, ऊना में 5.8 डिग्री और सोलन न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री तक लुढ़क गया है।
हिमाचल की 5 महिला क्रिकेटर पहली वुमन आईपीएल लीग में खेलती नजर आएंगी। पहली बार होने वाले वूमन आईपीएल के लिए 13 फरवरी को मुंबई में खिलाड़ियों की ऑक्शन होगी। इसके लिए हिमाचल की 22 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जिसमें से 5 शॉर्टलिस्ट हुई हैं।शॉर्टलिस्ट होने वाली खिलाड़ियों में हरलीन दयोल, सुषमा वर्मा, रेणुका ठाकुर, वसुवी फिस्टा और चित्रा जमवाल शामिला हैं। आईपीएल के लिए कुल 1,525 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था, जिसमें से 409 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें 246 भारतीय और 163 विदेशी खिलाड़ी हैं। बता दें कि शिमला की रहने वाली तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर ने रेलवे की ओर से रजिस्ट्रेशन किया। HPCA से हरलीन दयोल ने 40 लाख रुपये के बेस प्राइज के साथ रजिस्ट्रेशन किया। हरलीन अभी भारतीय टीम का हिस्सा हैं। सुषमा वर्मा ने 30 लाख रुपये के बेस प्राइज में रजिस्ट्रेशन किया। वह भी टीम का हिस्सा हैं। इसके अलावा अनकैप्ड खिलाड़ियों में रोहडू की वसुवी फिस्टा, जम्मू की चित्रा सिंह जमवाल और किन्नौर की सुष्मिता कुमारी ने 10 लाख के बेस प्राइज से रजिस्ट्रेशन करवाया है।
फर्स्ट वर्डिक्ट। शिमला मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार सायं केंद्रीय विद्युत एवं नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह के साथ बैठक की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से 25 वर्ष पहले शुरू की गई ऊर्जा परियोजनाओं में राज्य की हिस्सेदारी बढ़ाने का आग्रह किया, जिनकी ऋण अदायगी पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि इनमें राज्य की हिस्सेदारी 12 से बढ़ाकर 15 प्रतिशत की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश की जलविद्युत क्षमता के लगभग 12000 मेगावाट का अभी दोहन किया जाना शेष है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में जल विद्युत विकास महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके माध्यम से प्रदेश में प्रत्यक्ष रूप से राजस्व सृजन के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होते हैं। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में सौर ऊर्जा दोहन की अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए उद्यमियों को निवेश हितैषी तंत्र प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अविलंब अपनी परियोजनाएं स्थापित कर सकें। राज्य सरकार द्वारा निवेशकों के लिए नियमों और प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है और उपायुक्तों को अनुमति देने का अधिकार प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विशेष रूप से ऊर्जा और पर्यटन के क्षेत्र में समयबद्ध ढंग से सभी आवश्यक अनुमतियां देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा परियोजनाओं से विभिन्न स्तरों पर समझौता करने पर विचार कर रही है। पहले स्तर पर ऋण अदायगी की अवधि तक के लिए और दूसरा स्तर जलविद्युत परियोजना के हिस्से पर ऋण अदायगी की समाप्ति के बाद का होगा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के साथ सतलुज जल विद्युत निगम (एसजेवीएन) द्वारा कार्यान्वित की जा रही लुहरी विद्युत परियोजना का मामला भी उठाया और परियोजना की व्यवहारिकता को देखते हुए राज्य की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए सहमति प्रदान करने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने भाखड़ा ब्यास प्रबन्धन बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा हिस्सेदारी एवं बकाया भुगतान के संबंध में राज्य सरकार के पक्ष में निर्णय दिया है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी को बकाया राशि का तत्काल भुगतान करने के निर्देश दिए जाने चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शानन परियोजना की लीज अवधि समाप्त हो चुकी है और इसे आगे के निष्पादन के लिए राज्य सरकार द्वारा अधिग्रहित किया जाएगा उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने लेह की तर्ज पर राज्य के स्पिति क्षेत्र में हरित ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे ताकि वर्ष 2025 तक हरित ऊर्जा राज्य का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए राज्य सरकार भूमि एवं बिजली उपलब्ध करवाएगी। हरित ऊर्जा ले जाने के लिए ट्रांसमिशन लाइन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का एकमात्र ऊर्जा सरप्लस राज्य है और प्रदेश में ग्रीन हाइड्रोजन के उत्पादन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। राज्य ऊर्जा परियोजना को राजस्व हिस्सेदारी के आधार पर कार्यान्वित करेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय मंत्री को सम्मानित किया और उन्हें हिमाचल प्रदेश आने के लिए आमंत्रित भी किया। बैठक में मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर और संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव भरत खेड़ा, आवासीय आयुक्त मीरा मोहंती और मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया भी उपस्थित थे।
छात्र कुशाग्र को मिला सर्वोत्तम हास्य अभिनेता पुरुस्कार विनायक ठाकुर । देहरा ओडिशा के पुरी में विगत दिनों आयोजित हुए अखिल भारतीय रूपक महोत्सव में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय वेदव्यास परिसर के छात्रों ने कृष्णभक्तिचंद्रिका नाटक का मंचन किया। राष्ट्रिय स्तर पर आयोजित उत्सव में वेदव्यास परिसर के दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया ।वहीं परिसर स्तर पर संजय शर्मा ने तृतीय गिरीश चंद्र भट्ट ने द्वितीय एवं कुशाग्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएड के छात्र कुशाग्र को सर्वोत्तम हास्य अभिनेता पुरस्कार व वेदव्यास परिसर के संगीतज्ञ दल को सर्वोत्तम संगीत का पुरुस्कार प्राप्त हुआ है। विस्तृत जानकारी देते हुए वेदव्यास परिसर के निदेशक प्रो. मदनमोहन पाठक ने बताया कि इस नाटक के निर्देशक के रूप में विनोद शर्मा व संयोजक के रूप में डॉ. श्याम बाबू, डॉ. योगेश पांडे व डॉक्टर सत्यनारायण ने अहम भूमिका निभाई। परिसर पहुंचने पर नाट्य दल का भव्य स्वागत किया गया व परिसर निदेशक प्रो मदनमोहन पाठक ने नाटक में भाग लेने वाले समस्त छात्र कलाकारों, नाटक के निर्देशक व नाट्य दल के संयोजकों को शुभकामनाएं प्रदान की हैं।
फर्स्ट वर्डिक्ट। साेलन आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवा कर लोगों की समस्याओं का स्थाई निराकरण करना ही वर्तमान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री हिमाचल प्रदेश डाॅ. कर्नल धनीराम शांडिल गत सांय ममलीग में जल शक्ति विभाग के निरीक्षण कुटीर में लोगों से रू-ब-रू हुए तथा जन समस्याएं भी सुनी, जिनमें से अधिकतर का मौके पर ही निपटारा कर दिया, शेष समस्याओं को शीघ्र निपटाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें, ताकि लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े। डाॅ. कर्नल शांडिल ने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सोलन विधानसभा क्षेत्र का एक समान विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए समय-समय पर आवश्यक उचित कदम भी उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सत्ता सुख भोगने के उद्देश्य से कार्य नहीं कर रही है। अपितु सरकार व्यवस्था परिवर्तन के ध्येय से कार्य कर रही है और समाज के प्रत्येक वर्ग के हित को ध्यान में रखकर कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। श्रम एवं रोजगार मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने छोटे से कार्यकाल में व्यवस्था परिवर्तन की ओर अनेकों कदम उठाए हैं। सरकारी टेंडर अवार्ड करने की समयसीमा को 60 दिन से कम करके 20 दिन कर दिया है। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और भ्रष्टाचार खत्म करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा नीति में भी वर्तमान सरकार बड़े बदलाव और व्यवस्था परिवर्तन का प्रयास कर रही है, जिससे गरीब बच्चों को पढ़ने और बढ़ने के समान अवसर मिल सकें। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी माॅडल डे-बोर्डिंग स्कूल चरणबद्ध तरीके से खोले जाएंगे। सरकार नई रोजगार नीति भी लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन हमारी आर्थिकी का मुख्य जरिया है। प्राकृतिक, ग्रामीण, बागवानी, साहसिक तथा धार्मिक पर्यटन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पर्यटन परियोजनाओं को स्टार्ट-अप योजना से जोड़ा जाएगा। इस अवसर पर सोलन कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, सेवानिवृत्त फ्लाइट लेफ्टिनेंट तिरलोक चंद शांडिल, प्रधान ग्राम पंचायत ममलीग हरिचंद, उप प्रधान संदीप ठाकुर, पूर्व प्रधान सत्या ठाकुर व द्रौपदी देवी, उपमंडल अधिकारी कंडाघाट डाॅ. विकास सूद, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता सुमित सूद, वन मंडल अधिकारी श्रेष्ठानंद शर्मा, ज़िला कल्याण अधिकारी गिरधारी लाल शर्मा, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अमित रंजन तलवार, समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी कविता गौतम, खंड विकास अधिकारी कंडाघाट नरेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
ममता भनोट । ऊना हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल गग्रेट में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। बुधवार रात थाना गग्रेट के बणे दी हट्टी में झुग्गी में भीषण अग्निकांड में दो किशोर और दो बच्चे जिंदा जल गए। मरने वालों की उम्र 6,7,14 व 17 साल थी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे में दो भाई और एक बहन समेत चार बच्चों की जान गई है। एसएचओ आशीष पठानिया ने बताया कि बुधवार देर रात बिहार के गांव नंदा पुरी जिला दरभंगा निवासी भदेश्वर दास और रमेश दास की झुग्गी में भीषण आग लग गई, जिसमें झुलसकर दो किशोर औऱ दो बच्चों की जान चली गई। हादसा रात करीब 12 बजे पेश आया है। इस दर्दनाक हादसे में नीतू कुमारी (14) पुत्री रमेश दास भोलू कुमार (7) पुत्र रमेश दास, शिवम कुमार (6) पुत्र रमेश दास निवासी निवासी नंदापट्टी बेनीपुर डाकघर अंटार थाना बेहरा जिला दरभंगा बिहार और सोनू कुमार (17) पुत्र काली दास निवासी पौड़ी डाकराम जिला दरभंगा बिहार की मौके पर जलने से मौत हो गई। आग में जलकर 30 हजार रुपए भी राख हो गए। आग लगाने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन अंब से फायरमैन लकी कुमार, होमगार्ड शमीन कुमार, ड्राइवर तरसेम लाल फायर ब्रिगेड मोके पर पंहुचे, आग पर काबू पाया,पर दर्दनाक हादसा टल नही सका। सीएम सुक्खू ने हादसे पर जताया दुख प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दर्दनाक हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन से परिवार की हर संभव मदद करने को भी निर्देश दिए हैं। उपमुख्यमंत्री ने जताया शोक प्रशासन को दिए मदद के निर्देश दिए है। उपमुख्यमंत्री मुकेश ने जताया शोक हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बने दी हट्टी में प्रवासी बिहार के दरभंगा निवासी के अस्थाई आशियाने में लगी आग की घटना में चार बच्चों की दर्दनाक मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह दिल को दहलाने वाली घटना है। इस घटना में 6 से 17 वर्ष के बच्चों को जान गवानी पड़ी है। उन्होंने ने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि हर संभव मदद की जाए। यह दुखद हादसा निश्चित रूप से आंखों को नम करता है, विचलित करता है परिवार को सहनशक्ति प्रभु प्रदान करें।
हिमाचल में फोरलेन का काम तेज गति से चल रहा है केंद्रीय बजट में हिमाचल की 3 बड़ी रेल परियोजनाओं को मिले 1902 करोड़ पंकज सिंगटा। शिमला भाजपा नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कनेक्टिविटी एक महत्वपूर्ण विषय है और कनेक्टिविटी को लेकर केंद्र सरकार ने हमेशा हिमाचल को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्र बजट के अंतर्गत हिमाचल की 3 बड़ी रेल परियोजनाओं को 1902 करोड़ रुपए मिले यह हिमाचल के लिए एक बड़ी सौगात है और इसके लिए हम केंद्र सरकार का विशेष रूप से धन्यवाद भी करते हैं। भानुपाली-बिलासपुर रेल परियोजना के लिए केंद्र सरकार द्वारा 1000 करोड़ का प्रावधान किया गया। इसी प्रकार चंडीगढ़-बद्दी रेल परियोजना के लिए 450 करोड़ और नंगल-तलवाड़ा के लिए 452 करोड़ का प्रावधान किया गया। हिमाचल प्रदेश के लिए यह एक यह बहुत बड़ा तोहफा है और भानुपाली बिलासपुर लेह रेल लाइन तो सामरिक दृष्टि से भी बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा भानुपाली बिलासपुर रेल लाइन का 63 किलोमीटर लंबे रेल ट्रैक का कार्य तेज गति से चल रहा है, इस परियोजना में 21 मेजर पुल बनने हैं, जिसमें से पांच पुलों का काम चल रहा है और 16 के डिजाइन लगभग तैयार है और इसके अंतर्गत 20 टनलो का निर्माण कार्य भी होना है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश के बैजनाथ, पपरोला, पालमपुर और अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन पर अति आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए भी केंद्र सरकार का हम धन्यवाद करना चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश में नेशनल हाई-वे की दृष्टि से भी अच्छा कार्य चल रहा है। किरतपुर-मनाली, मंडी-पठानकोट, नालागढ़-स्वारघाट, परमाणु-शिमला, चक्की -मटौर-शिमला, मुबारकपुर-अंब-नादौन और पौंटा-साहिब-कालाअंब के नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। किरतपुर नेरचौक फोरलेन का कार्य भी तेज गति से चल रहा है, जिसमें 5 टनल, 22 मुख्य पुल व 14 छोटे पुल जल्दी बनकर तैयार हो जाएंगे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत भी हमारी सरकार ने 422 करोड़ की डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी थी, जिसकी स्वीकृति 22 अक्तूबर, 2022 को मिल चुकी थी। इससे भी हिमाचल प्रदेश में ग्रामीण कनेक्टिविटी काफी बढ़ती है। हाल ही में केंद्र सरकार ने बजट में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का बजट 36 प्रतिशत बढ़ाया है। इसमें हिमाचल प्रदेश को भी अच्छा बजट मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों ने हमेशा सर्वांगीण विकास की दृष्टि से कार्य किया है और यह केंद्र सरकार की मदद के बिना संभव नहीं होता, जिस प्रकार से केंद्र सरकार ने हमेशा हिमाचल प्रदेश का ख्याल रखा है, उसके लिए हम केंद्र सरकार का दिल की गहराइयों से धन्यवाद करना चाहते हैं।
विनायक ठाकुर । ज्वालामुखी राजकीय प्राथमिक पाठशाला भटाल खुर्द के हेड टीचर एवम हिमाचल पैरा सिटिंग वॉलीबॉल के कप्तान राजिंद्र राणा का इंडिया की टीम सीटिंग वॉलीबॉल की टीम में उनके उम्दा प्रदर्शन को देखते हुए चयन किया गया है। विदित है कि अभी हाल ही में संपन्न राष्ट्रीय पैरा सिटींग वॉलीबॉल चैंपियनशिप जो कि तमिलनाडु में आयोजित हुई थी में राजिंद्र राणा ने हिमाचल की टीम का प्रतिनिधित्व किया था। राजिंद्र राणा अब वर्ल्ड, एशियाई आदि खेलों में टीम इंडिया की तरफ से खेलेंगे। राजिंद्र राणा की इस उपलब्धि के लिए हिमाचल पैरा स्पोर्ट्स के संयोजक एवं महासचिव ललित ठाकुर और उनके कोच चेतेश्वर दत्ता ने उनकी इस उपलब्धि के लिए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह जानकारी हिमाचल हिमाचल पैरा स्पोर्ट्स के संयोजक एवं महासचिव ललित ठाकुर ने दी। उन्होंने बताया कि अब भारतीय पैरा सिटिंग वॉलीबॉल की टीम जून महीने में कजाकिस्तान में होने वाली होने वाली गेम्स में भाग लेगी। उन्होंने रजिंद्र राणा को इस उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कपिल शर्मा। सिरमौर हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ जिला सिरमौर के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र नेगी, राज्य कार्यकारिणी सदस्य संजय शर्मा, जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा कार्यकारणी सदस्य रामगोपाल शर्मा, इन्द्र राणा आदि ने हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से अनाैपचारिक भेंट की तथा उनका जिला सिरमौर आगमन पर स्वागत किया। इस अनौपचारिक मुलाकात में प्रवक्ता संघ के प्रतिनिधियों ने जहां एक ओर गुणात्मक शिक्षा हेतु प्रवक्ता संघ की प्रतिबद्धता को दोहराया। वहीं, प्रवक्ताओं एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से संबंधित अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की तथा नई शिक्षा नीति को लागू करने में संपूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षा निदेशक सिरमौर कर्म चंद धीमान भी उपस्थित रहै।जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पुंडीर एवं महासचिव आई डी राही ने जानकारी देते हुए कहा कि बहुत जल्दी ही विद्यालय प्रवक्ता संघ शिक्षा मंत्री से औपचारिक मुलाकात कर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से संबंधित सभी मुद्दो जैसे विद्यालयों में प्रवक्ताओं के रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में आधारभूत संरचना एवं मूलभूत सुविधाओं के सर्जन का आग्रह करेगा।
पुलिस थाना ज्वालामुखी के अंतर्गत मझीण चौक में मोटर साइकिल औइर गाड़ी के बीच टक्कर हो गयी। जानकारी के मुताबिक मझीण चौक में मोटर साइकिल नम्बर HP36 B-9669 के चालक पंकज धीमान निवासी नरवाड़ी डाकघर मूहल तहसील देहरा जिला काँगड़ा ने तेज रफ्तारी व लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाकर कार नम्बर एचपी 23 C-7109 को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल चालक पंकज धीमान व कार चालक अनिल कुमार घायल हो गये है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी चन्द्रपाल ने करते हुए कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


















































