021 में मंडी संसदीय उपचुनाव जीतने वाली कांग्रेस के लिए 2024 में प्रदर्शन दोहराना मुश्किल हो सकता है। प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की वापसी के बाद मंत्रिमंडल में मंडी संसदीय क्षेत्र को उचित तवज्जो मिलती नहीं दिखी है। हालांकि विधानसभा चुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा था और पार्टी 17 में से सिर्फ 5 सीटें ही जीती पाई थी। जो पांच विधायक जीते उनमें से दो मंत्री पद के प्रबल दावेदार थे, किन्नौर से जगत सिंह नेगी और कुल्लू से सुंदर सिंह। इनमें से जगत सिंह नेगी को तो मंत्री पद मिल गया लेकिन सुंदर ठाकुर को सीपीएस बनाकर एडजस्ट किया गया है। वहीं अगले कैबिनेट विस्तार में शेष तीन विधायकों में से किसी को भी मंत्री पद मिलेगा, ये मुश्किल लगता है। यानी ये लगभग तय है कि सुक्खू कैबिनेट में मंडी संसदीय क्षेत्र को सिर्फ एक ही मंत्री पद मिलेगा। गौरतलब है कि जयराम सरकार में मंडी संसदीय क्षेत्र से खुद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा दो मंत्री थे। मनाली से विधायक रहे गोविन्द सिंह ठाकुर और लाहुल स्पीति से विधायक डॉ राम लाल मारकंडा को मंत्री पद मिला था। वहीं करीब डेढ़ वर्ष तक मंडी सदर विधायक अनिल शर्मा भी मंत्री रहे थे। वहीं इससे पहले वीरभद्र सरकार में मंडी संसदीय क्षेत्र से पांच मंत्री थे। विधानसभा चुनाव में कमजोर था कांग्रेस का प्रदर्शन बीते विधानसभा चुनाव में मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन कमजोर रहा है। संसदीय क्षेत्र के अधीन जिला मंडी की 9 सीटें आती है और सभी पर कांग्रेस परास्त हुई। वहीँ कुल्लू की चार में से पार्टी को दो सीटें ही मिली। कुल्लू सदर सीट से सुंदर सिंह जीते और मनाली सीट से भुवनेश्वर गौड़। मंडी संसदीय क्षेत्र में आने वाली जिला चम्बा की इकलौती सीट भरमौर में भी कांग्रेस हार गई। हालांकि किन्नौर में कांग्रेस के जगत सिंह नेगी, लाहुल स्पीति में रवि ठाकुर और जिला शिमला की रामपुर सीट पर नंदलाल जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। अगले कैबिनेट विस्तार में भी संभावना नहीं ! अब तक सुक्खू कैबिनेट में मंडी संसदीय क्षेत्र की किन्नौर सीट से विधायक जगत सिंह नेगी को मंत्री बनाया गया है। जबकि कुल्लू सदर से विधायक सुंदर सिंह सीपीएस बने है। होली लॉज खेमे से रामपुर विधायक नंदलाल के लिए भी मंत्री पद की मांग थी लेकिन उन्हें मंत्री पद नहीं मिला। जिला शिमला को पहले ही तीन मंत्री पद मिल चुके है, ऐसे में उन्हें अगले विस्तार में भी मंत्री पद मिलने की कोई संभावना नहीं दिखती। वहीं जनजातीय जिला किन्नौर को भी मंत्री पद मिल चुका है, ऐसे में दूसरे जनजातीय जिला लाहुल स्पीति को मंत्री पद मिलना बेहद मुश्किल है। जिला कुल्लू को भी मंत्री पद मिलने की सम्भावना नहीं है। हालांकि शेष तीन विधायकों को बोर्ड -निगमों के नियुक्ति दी जा सकती है।
सुक्खू मंत्रिमंडल में सात मंत्रियों ने शपथ ले ली है लेकिन अब भी तीन मंत्री पद रिक्त है। मंत्री पद के प्रबल दावेदारों में शामिल सुधीर शर्मा और राजेश धर्माणी का नाम एक दिन पहले तक लगभग तय माना जा रहा था, लेकिन सात नवनियुक्त मंत्रियों की लिस्ट में इन दोनों ही नेताओं के नाम पर मोहर नहीं लगी। लिहाजा दोनों ही नेताओं के समर्थकों में निराशा है। आलम ये है कि राजेश धर्माणी के एक समर्थक ने तो विरोध में अपने बाल तक मुंडवा लिए। इन दोनों के अलावा पहले मंत्रिमंडल विस्तार में एक और नेता के हाथ निराशा आई है, वो है सुंदर सिंह ठाकुर। मंत्री पद के चाहवान सुंदर सिंह ठाकुर को सीपीएस बनाकर सेट कर दिया गया। दरअसल माना जा रहा था कि मंडी संसदीय क्षेत्र से दो मंत्री पद दिए जा सकते है, एक नाम जगत सिंह नेगी का तय था और दूसरा नाम सुंदर ठाकुर का माना जा रहा था। किन्तु ऐसा हुआ नहीं। बहरहाल अब भी सुक्खू कैबिनेट के तीन स्थान रिक्त है और इन स्थानों के लिए सुधीर और राजेश धर्माणी के अलावा भी कई दावेदार है। इन तीन स्थानों को भरते वक्त कांग्रेस को क्षेत्रीय संतुलन के साथ -साथ जातिगत संतुलन का भी विशेष ख्याल रखना होगा। सीएम सहित अब तक नौ मंत्री शपथ ले चुके है। पहले जातिगत नजरिये से सुक्खू कैबिनेट पर निगाह डालते है। मुख्यमंत्री सहित कुल नौ मंत्रियों में से 6 राजपूत है, एक ब्राह्मण, एक एससी और एक ओबीसी। ऐसे में शेष तीन पदों पर मुमकिन है कि एससी और ब्राह्मण विधायकों को तवज्जो मिले। अब संसदीय क्षेत्रवार मौजूदा मंत्रिमंडल पर निगाह डाले तो शिमला संसदीय क्षेत्र को पांच, मंडी संसदीय क्षेत्र को एक और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र को भी एक ही मंत्री पद मिला है। वहीँ मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री दोनों ही हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से आते है। जिला के हिसाब से देखे तो सबसे ज्यादा तीन मंत्री पद शिमला को मिले है, इसके अलावा सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और किन्नौर को एक -एक मंत्री पद मिला है। मुख्यमंत्री हमीरपुर जिला से है, तो उप मुख्यमंत्री ऊना जिला से। चम्बा जिला को विधानसभा अध्यक्ष का पद मिला चुका है। अब तक सबसे बड़े जिला कांगड़ा को सिर्फ एक मंत्री पद मिला है और ऐसे में संभव है कि कांगड़ा को दो मंत्री पद और मिले। शेष एक मंत्री पद जिला बिलासपुर या जिला मंडी में से किसी एक को मिल सकता है। दिलचस्प बात ये है कि बिलासपुर और मंडी से कांग्रेस के सिर्फ एक -एक विधायक जीते है, मंडी की धर्मपुर सीट से चंद्रशेखर और बिलासपुर की घुमारवीं सीट से राजेश धर्माणी विधानसभा पहुंचे है। माहिर मान रहे है कि इन दोनों में से किसी एक को मंत्री पद मिल सकता है और दूसरे को कैबिनेट रैंक या विधानसभा उपाध्यक्ष बनाकर सेटल किया जा सकता है। रोचक बात ये है कि ये दोनों ही सीटें हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में आती है, यानी हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को सीएम और डिप्टी सीएम के अतिरिक्त एक मंत्री और मिल सकता है। जानकार मान रहे है कि शेष दो मंत्री जिला कांगड़ा और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के हिस्से जायेंगे। इनमें से एक मंत्री एससी कोटे से हो सकता है और दूसरा ब्राह्मण। जो एससी चेहरा चर्चा में है वो है जयसिंहपुर से दूसरी बार विधायक बने यादविंदर गोमा। दरअसल बताया जा रहा है कि पार्टी आलाकमान चाहता है कि अधिक से अधिक एससी चेहरों को कैबिनेट में जगह मिले, ऐसे में संभव है कि गोमा कई वरिष्ठ नेताओं को पछाड़ कर मंत्री पद ले जाएं। वहीँ ब्राह्मण चेहरे की बात करें तो सुधीर शर्मा के अलावा ज्वालामुखी विधायक संजय रतन मजबूत दावेदार है। इनके अलावा रघुबीर बाली भी ब्राह्मण है। पहले मंत्रिमंडल विस्तार में सुधीर शर्मा की शपथ न होने के बाद माहिर मान रहे है कि संजय रतन का दावा भी अब मजबूत है।
देश की राजधानी दिल्ली में लगातार कोहरे का असर बढ़ रहा है I कोहरे से यातायात प्रभावित हो रहा है I एक तरफ सड़कों पर जहां गाड़ियां रेंग रही हैं तो वहीं ट्रेनों की रफ्तार भी धीमी पड़ी है I दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, कोलकाता समेत देश के विभिन्न हिस्सों से आने-जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित दर्जनों ट्रेनें देर से चल रही हैंI कई शहरों में तो घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम है, जिससे रेल यातायात से लेकर फ्लाइट्स तक प्रभावित हैं I दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर आज 9 जनवरी की सुबह 9 बजे तक के अपडेट के मुताबिक करीब 25 उड़ानें लेट हैं I जबकि दिल्ली आने-जाने वाली उत्तर रेलवे की 29 ट्रेन पहले ही अपने निर्धारित समय से देर से चल रही हैंI दिल्ली और पंजाब से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा देखने को मिल रहा है I मौसम विभाग (IMD) के अनुसार सुबह 5.30 बजे पंजाब के बठिंडा, यूपी के आगरा, बरेली और लखनऊ में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई I वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई इलाकों में भी जीरो विजिबिलिटी रही I इसके अलावा अमृतसर में विजिबिलिटी 25 मीटर रिकॉर्ड की गई है I
प्रदेश सरकार ने अधिसूचित प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को 25 हजार रुपये की सहायता राशि तुरंत जारी करने के निर्देश दिए हैं। इस संदर्भ में जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निदेशक एवं विशेष सचिव राजस्व सुदेश मोक्टा ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण मृत्यु होने पर मृतक के निकटस्थ सम्बन्धी को 24 घंटे के भीतर सहायता राशि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण मृत्यु होने पर मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने का प्रावधान है। इसमें से 25 हजार रुपये की सहायता राशि 24 घंटे के भीतर और शेष राशि भी चार दिन के भीतर जारी कर दी जाएगी। पूर्व में यह राशि जारी होने में अधिक समय लगता था। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों यदि वह आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर नहीं होते हैं, तो उन्हें न्यूनतम 5000 रुपये की सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री का पदभार ग्रहण करने के उपरांत सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को सर्वोच्च अधिमान दिया है। प्रदेश सरकार ने अपने निर्णयों से साबित किया कि सरकार समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
भारत की महान टेनिस खिलाड़ियों में शुमार सानिया मिर्जा ने अपने प्रोफेशनल टेनिस करियर से रिटायरमेंट लेने का फैसला कर लिया है। पूर्व डबल्स नंबर एक सानिया मिर्जा 19 फरवरी से शुरू होने वाले WTA 1000 इवेंट दुबई टेनिस चैंपियनशिप में आखरी बार खेलेंगी। आपको बता दे की सानिया पिछले कई महीनो से चोट से जूझ रही है, जिसके चलते उन्होंने पिछले 6 महीनो में किसी भी तरह के टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया है। उन्होंने पहले ही कह दिया था कि वह 2022 के आखिर में रिटायरमेंट का ऐलान कर देगी। भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा फरवरी में दुबई टेनिस चैंपियनशिप में अपना आखिरी मैच खेलेंगी, जो इसी साल 19 फरवरी से शुरू होगीI इस के बाद वह टेनिस के अलविदा कह देंगी I सानिया ने भारत के लिए 6 ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किए हैं I वहीं सानिया मिर्जा 2004 में अर्जुन अवॉर्ड, 2006 पद्म श्री अवॉर्ड ,2015 में राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड और 2016 में पद्म भूषण अवॉर्ड से भी सम्मानित हैं I
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी का सितम जारी हैI दिल्ली में कुछ जगहों पर पारा 2 डिग्री से भी नीचे लुढ़क गया हैI लोगों को शनिवार को लगातार तीसरे दिन कोहरे और शीतल हवाओं के चलते भीषण ठण्ड का सामना करना पड़ा I देश की राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान शिमला, मसूरी, नैनीताल जैसे हिल स्टेशन से भी नीचे पहुंच चुका है। सफरदरजंग में आज यानी शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.2°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि लोधी रोड पर 2.0°C और रिज में 1.5°C रिकॉर्ड किया गया है I ठंड, शीतलहर और कोहरा का ट्रिपल अटैक देखने को मिल रहा है I राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जनवरी में जमाने वाली ठंड पड़ रही है। दिन के समय भी लोग ठंड से ठिठुर रहे है I दिल्ली में खराब मौसम के चलते कोहरे की वजह से रेल और विमान सेवाओं पर भी प्रभाव पड रहा है I
टीम इंडिया का श्री लंका के खिलाफ आज आखरी निर्णायक मैच है। यह मैच राजकोट में सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। अब देखना रोचक होगा कि अगर ये मैच टीम इंडिया जीत गयी तो लगातार पिछले 4 सालों में यह उसकी 10वीं टी-20 सीरीज में जीत होगी। आपको बता दे कि इससे पहले हुए मैचो में भारत ने शानदार तरीके से विजय हासिल की है। इस दौरान टीम इंडिया अपने घर में एक भी टी20 सीरीज नहीं हारी है। भारतीय टीम को अपने घर में पिछली बार फरवरी 2019 में हार मिली थी। तब ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टी20 सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप किया था। राजकोट मैदान की पिच रिपोर्ट यह बताती है कि पिच सपाट है और बल्लेबाजों की मददगार रहने की उम्मीद है। टॉस की भूमिका भी इस मैच में अहम होगी और दोनों कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद करेंगे। राजकोट में खेले गए चार टी20 मैचों में पहले गेंदबाजी करने वाली टीम विजेता रही।
दिल्ली में मेयर पद का होने वाला चुनाव टल गया है I जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने सुबह दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में मनोनीत पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शुरू होते ही पीठासीन अधिकारी के फैसले के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया और आसन के पास जाकर नारेबाजी करने लगे। ‘आप’ और भाजपा पार्षदों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस मारपीट में दोनों ओर के कुछ पार्षदों को चोटें भी लगी और महिला पार्षदों के साथ भी धक्का मुक्की की गयीI पुलिस ने बीच-बचाव किया, वहीं अब इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा और 'आप' के तमाम दिग्गज नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हंगामे के चलते आज दिन के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई हैI
भारतीय सेना में पहली बार महिला अधिकारियों को कर्नल बनाया जाएगा। इसके लिए 108 महिला अधिकारियों को कर्नल रैंक का प्रमोशन दिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक भारतीय सेना में इंजीनियर्स, मिलिट्री इंटेलिजेंस, आर्मी एयर डिफेंस, आयुध और सेवा सहित शाखाओं में कमांड भूमिकाओं के लिए महिला अधिकारियों का चयन किया जाएगा I इसके लिए प्रक्रिया सोमवार 9 जनवरी से शुरू की जाएगी I यह कदम सियाचिन ग्लेशियर में एक महिला अधिकारी को तैनात किए जाने के तुरंत बाद उठाया गया है और अब लगभग सभी सेवाओं में ज़्यादा से ज़्यादा महिलाओं को समान अवसर दिए जा रहे हैं I अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सेना में महिला अधिकारियों को पुरुषों के बराबर अवसर दिए जा रहे हैं I कर्नल रैंक में टेनेंट कमांड असाइनमेंट के लिए महिला अधिकारियों के चयन की प्रक्रिया प्रगति पर है I बता दें कि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के लिए एक वर्ष में महिला कैडेटों के लिए 20 वैकेंसी निर्धारित की गई हैं I इसके अलावा, ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकेडमियों इसके अलावा, ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकेडमियों में एसएससी महिला अधिकारियों के लिए 80 वैकेंसी जारी की जाती हैं I सेना उड्डयन कोर की फ्लाइंग शाखा में महिला अधिकारियों की सीधी कमीशनिंग 2022 से शुरू हुई है I
न्यू एजुकेशन पॉलिसी 2020 (NEP) में भारत की उच्च शिक्षा को ग्लोबल प्लेटफॉर्म में लाने की बात कही गई है। भारत में जल्द ही हायर एजुकेशन के लिए फॉरेन यूनिवर्सिटीज के कैंपस खुलेंगे। गुरुवार को मीडिया के साथ यूजीसी चेयरमैन एम जगदीश कुमार ने इस ड्राफ्ट के खास बिंदु साँझा किए। फॉरेन यूनिवर्सिटीज को भारत में अपना कैंपस सेटल करने के लिए क्या नियम फॉलो करने होंगे, इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फॉरेन यूनिवर्सिटीज का सेटअप शुरू करने के लिए यूजीसी का अप्रूवल लेना होगा। इस अप्रूवल के लिए उन्हें यूजीसी के सभी तय नियमों पर खरा उतरना होगा। यहां विदेशी छात्र भी पढ़ाई कर सकेंगे।
टीम इंडिया के स्टार विक्केट किपर व बल्लेबाज ऋषभ पंत का 30 दिसंबर को रुड़की के पास कार एक्सीडेंट हुआ था। ऋषभ पंत को ठीक होने में काम से काम 5 से 6 महीने लगेंगे। वहीं आईपीएल सीज़न 2023 के अप्रैल में होगा। ऐसे में अब सबकी नज़र इस बात पर है कि इस बार दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान कौन होगा। दिल्ली कैपिटल्स टीम के सामने ऋषभ पंत की जगह नया कप्तान चुनने की बड़ी चुनौती होगी। इसके लिए टीम में दो प्लेयर ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर और भारतीय ओपनर पृथ्वी शॉ बड़े दावेदार है। इनके अलावा भी ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिचेल मार्श और भारतीय स्टार मनीष पांडे भी रेस में बने हुए हैं। बीसीसीआई के मुताबिक ऋषभ पंत को काफी गंभीर चोटें लगी है, जिन्हे ठीक होने में कम से कम 3 से 6 महीने लग जाएंगे। ऐसे में ऋषभ पंत कबत क वापसी करेंगे, इसका सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है।
झारखंड के देवघर पुलिस ने 9 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने साइबर अपराधियों से 14 अवैध मोबाइल फ़ोन और 15 सिम कार्ड बरामद किए है। जानकारी के मुताबिक अपराधी PM किसान योजना निधि में पैसा दिलाने के नाम पर तो कभी बिजली का बिल न भरने के नाम पर लोगो से ठगी करते थे। इसके अलावा गूगल सर्च इंजन में कस्टमर केयर का फर्जी हेल्पलाइन नंबर डालकर भी लोगों को शिकार बनाते थे। गौरतलब है कि देवघर पुलिस साइबर अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलती रहती है। उनके लिए यह एक बड़ी कामयाबी है। काफी दिनों से ठगी की शिकायतें मिलने के बाद से ही पुलिस इन ठगों की तलाश में जुटी हुई थी। फिलहाल, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है, साथ ही यह जानने की कोशिश कर रही है कि अभी तक कितने लोगों को उन्होंने ठगी का शिकार बनाया है।
लाहौल स्पीति के केलोंग में बुधवार को -11 डिग्री तापमान जमाव बिंदु से भी नीचे हो गया। चंद्रभागा नदी सहित जल स्रोत जम चुके है, जिस कारण पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगो का कहना है कि पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठण्ड हो रही है। दूसरी ओर सड़क पर फिसलन भी बढ़ गई है। डीसी लाहौल-स्पीति ने भी इस बाबत एडवाइजरी जारी की है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने वीरवार और शुक्रवार को प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान जताया है। सात-आठ जनवरी को कई क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान है। वीरवार को प्रदेश में ठंडी हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का गुरुवार यानी आज से हरियाणा में दूसरा फेज शुरू हो रहा है। राहुल गांधी सबसे पहले पानीपत पहुंचें। वे शाम करीब 6 बजे उत्तर प्रदेश से यमुना के रास्ते सनौली खुर्द में कार से पहुंचेंगे। वहाँ खेतों में बने टेंट हाउस में रात्रि ठहराव होगा। इसके बाद 6 जनवरी सुबह 6 बजे राहुल पैदल पुराने सनौली रोड से यात्रा की शुरुआत करेंगे। यहां से पैदल चलते हुए राहुल गांधी छाजपुर, निंबरी, उग्राखेड़ी, सनौली रोड और बबैल नाके से होते हुए पुरानी सब्जी मंडी शिव चौक से होकर संजय चौक तक पैदल जाएंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का पहला रात्रि पड़ाव सनौली खुर्द में होगा। यहां उनके रुकने की व्यवस्था करने के लिए सनौली खुर्द गांव के मेन अड्डे पर करीब चार एकड़ जमीन को खाली कर साफ-सफाई कराई गयी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जनवरी को होने वाली 'परीक्षा पर चर्चा' के आगामी 6वें संस्करण में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ बातचीत करेंगेI यह कार्यक्रम तालकटोरा इंडोर स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम जीवन को 'उत्सव' के रूप में मनाने के लिए तनाव पर काबू पाने में मदद करता है I यह कार्यक्रम पिछले पांच वर्षों से शिक्षा मंत्रालय के स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया जा रहा है I बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साल 2018 में पहली बार परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम के तहत छात्रों, शिक्षकों व अभिभावकों के साथ संवाद किया था। इसके बाद से हर साल पीएम मोदी 'परीक्षा पे चर्चा' करते हैं। इस दौरान पीएम मोदी छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ सीधे संवाद करते हैं। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारी के अनुसार 'परीक्षा पर चर्चा' 2023 के लिए पंजीकरण वर्ष 2022 की तुलना में इस वर्ष दोगुने से अधिक हो गए हैं। लगभग 38.80 लाख प्रतिभागियों ने 'परीक्षा पर चर्चा' 2023 के लिए पंजीकरण कराया है, जबकि परीक्षा पर चर्चा' 2022 के लिए लगभग 15.7 लाख लोगों ने ही पंजीकरण करवाया था।
पांच बार के विधयाक कुलदीप सिंह पठानिया को हिमाचल प्रदेश विधानसभा का 16वां अध्यक्ष चुना गया है। हिमाचल प्रदेश की चौदहवीं विधानसभा के शीत सत्र के दूसरे दिन सदन में कुलदीप सिंह पठानिया को विधानसभा अध्यक्ष बनाने के लिए तीन प्रस्ताव रखे गए थे। इस दौरान प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पहला प्रस्ताव पेश किया कि कुलदीप सिंह पठानिया विधानसभा अध्यक्ष होंगे। इसका अनुमोदन नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भाजपा विधायक दल की ओर से किया जबकि दूसरा प्रस्ताव उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पेश किया और इसका अनुमोदन शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने किया। इसके बाद तीसरा प्रस्ताव सोलन के कांग्रेस विधायक धनीराम शांडिल ने पेश किया। जिसका अनुमोदन सुलाह के विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने किया। प्रस्ताव पारित होने के बाद कुलदीप सिंह पठानिया को सीएम सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आसन पर बिठाया और दोनों ने नव निर्वाचित विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया को बधाई दी।
नीट पीजी स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कल यानी 6 जनवरी से शुरू हो रहा हैं। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, नेशनल एलिजिबिलिटी एंट्रेंस टेस्ट काउंसलिंग 2023 स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए आवेदन प्रक्रिया कल से शुरू की जाएगी। सभी उम्मीदवार 8 जनवरी तक इसके लिए फीस का भुगतान कर सकते हैं। उम्मीदवारों को इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर जाकर लॉगइन करना होगा I एमसीसी की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार,सभी उम्मीदवारों को 6 जनवरी से 8 जनवरी के बीच च्वाइस भरने की अनुमति होगी, जबकि NEET-PG च्वाइस लॉकिंग विंडो 8 जनवरी को शाम 5 बजे से रात 11:59 बजे तक उपलब्ध रहेगी। उम्मीदवारों को काउंसलिंग में भाग लेने के लिए 50,000 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट का भुगतान करना होगा। बता दें कि एमसीसी ने 2,244 पीजी सीटों और 62 एमडीएस सीटों को भरने के लिए नीट पीजी स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड काउंसलिंग आयोजित कर रहा है, जो पिछले राउंड के बाद खाली रह गई थी। 10 जनवरी को जारी होगा रिजल्ट नीट पीजी काउंसलिंग 2023 स्पेशल स्ट्रे वैकेंसी राउंड अलॉटमेंट रिजल्ट 10 जनवरी को जारी किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 10 जनवरी से 14 जनवरी तक आवंटित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा। वहीं इस काउंसिलिंग प्रक्रिया से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करना होगा।
जनवरी के पहले हफ्ते में दिल्ली का तापमान 2.2 डिग्री पहुंच गया हैI उत्तर भारत में शीतलहर के साथ कोहरे का सितम जारी है, लेकिन दिल्ली के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। दिल्ली में मनाली, धर्मशाला, देहरादून, शिमला और नैनीताल से भी कम पारा दर्ज किया गया है। IMD के अनुासर कोहरे के कारण दिल्ली के पालम में बुधवार यानि 5 जनवरी को विजिबिलिटी 25 मीटर आंकी गई है। तापमान की बात करें तो दिल्ली के लोधी रोड पर आज सुबह इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं दूसरी तरफ देश के अन्य इलाकों पूर्वी विदर्भ, दक्षिण छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में कोहरा छा सकता है। वहीं बिहार, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तरी मध्य प्रदेश में भी घना कोहरा छाने की संभावना है I
भाजपा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार के अब तक लिए गए फैसलों को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। हाईकोर्ट में दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि पूर्व कैबिनेट के फैसलों को प्रशासनिक आदेश से निरस्त नहीं किया जा सकता है। भाजपा ने चुनौती दी है की जनहित में लिए गए ये फैंसले वापिस नहीं लिए गए तो सड़को पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी। भाजपा उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने आज प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के हित में संस्थान खोले थे उन्हें बंद करना गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंत्रिमंडल का गठन तक नहीं कर पाई है लेकिन जनता विरोधी फैसले लिए जा रहे हैं। कैबिनेट के फैसलों को कैबिनेट के निर्णय से ही निरस्त किया जा सकता है। बीजेपी कोर्ट में जनता के हक की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2 बड़े सीमेंट उद्योग बंद हो गए हैं लेकिन सरकार इन्हें खुलवाने में अभी तक नाकाम रही है जनता के मुद्दों को दरकिनार कर जनता के हित में लिए गए फैसलों को बदला जा रहा है। सीमेंट उद्योग बंद होने से हजारों लोगों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया हैं। सरकार को जल्द अडानी से बात कर मामला सुलझाना चाहिए।
दुनियाभर में बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए भारत सरकार ने भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। चीन, दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान सहित कई देशों में कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार (5 जनवरी) को कोविड-19 के 188 नए मामले दर्ज किए गए है। इसके साथ ही अब सक्रिय मामलों की संख्या 2,554 हो गई है। भारत में पिछले 24 घंटों में 201 लोग ठीक हुए हैं। जिसके बाद कुल ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 4,41,46,055 हो गई है। इसके साथ ही ठीक होने की दर वर्तमान में 98.8% है और सक्रिय मामले 0.01% हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जानकारी दी है कि डेली पॉजिटिविटी रेट 0.10 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 0.12 प्रतिशत है। मिली जानकारी के अनुसार, देश में कुल 91.15 करोड़ टेस्ट किए गए हैं। वहीं, पिछले 24 घंटों में 1,93,051 टेस्ट किए गए हैं।
राजधानी शिमला के रामपुर कस्बे में गानवी ज्यूरी लिंक रोड पर पुलिस ने बुधवार देर शाम एक युवक को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, HC मनोज कुमार गानवी ज्यूरी सड़क पर गश्त पर थे और जैसे ही कटोलु पुल के पास पहुंचे तो शिव सिंह निवासी किन्नौर पुलिस को देख कर घबरा गया। जब शक के आधार पर पुलिस ने तलाशी ली तो उससे 1.12 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
हिमाचल प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है। बुधवार को भी आधा हिमाचल धुंध की आगोश में रहा है। वहीं मैदानी इलाकों में धुंध छाए रहने से विजिबिलिटी कम हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। वीरवार और शुक्रवार को प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है। सात-आठ जनवरी को कई क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान है। वीरवार को प्रदेश में ठंडी हवाएं चलने का येलो अलर्ट भी जारी हुआ है। वहीं बुधवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मैदानी इलाकों में ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित मंडी और सोलन के कुछ क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय धुंध छाई रही।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के इंदिरा गाँधी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के एक छात्र के फ़र्ज़ी एडमिशन का मामला सामने आया है I मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने आरोपी छात्र को कॉलेज से निष्कासित कर दिया है, साथ ही शिमला के लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी में शिकायत भी दर्ज करवा दी गई हैI मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी छात्र ने एनटीए यानि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा एक छात्रा का सर्टिफिकेट डाउनलोड किया और फिर उससे छेड़छाड़ करते हुए नाम फोटो के साथ दूसरी जानकारी बदल दी I इसी सर्टिफिकेट के आधार पर वह अटल मेडिकल विश्वविद्यालय नेरचौक मंडी में आयोजित काउंसिलिंग में शामिल हुआ था। इस दौरान झूठे दस्तावेज के आधार पर उसका दाखिला आईजीएमसी शिमला में हो गया। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसने कॉलेज में एडमिशन ली और नियमित कक्षाएं भी लगाना शुरू कर दिया, लेकिन बाद में दस्वावेजों के सत्यापन के दौरान आरोपी का भंडा फूट गया और उसकी एडमिशन फर्जी निकली। मामले की जानकारी देते हुए एएसपी शिमला सुनील नेगी ने बताया कि मेडिकल कॉलजे की तरफ से शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। कॉलेज से छात्र का रिकॉर्ड मांगा गया है। बता दें कि आईजीएमसी शिमला प्रदेश के अन्य सभी मेडिकल कॉलेजों में श्रेष्ठ कॉलेज हैI
हिमाचल प्रदेश में पिछले 10 वर्षों बाद सर्दी के मौसम में इस बार सबसे कम बारिश दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश के केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही बर्फबारी हुई है। गौरतलब है कि पिछले लगभग 3 महीने से प्रदेश में बारिश नहीं हुई है, जिससे प्रदेश सूखे की मार झेल रहा है। हालांकि प्रदेश में हाथ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है और अगले 3 से 4 दिन लोगों को ठंड और सताने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले 3 दिन तक प्रदेश में शीतलहर और धुंध को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। जबकि 7 जनवरी से हिमाचल में पश्चमी विक्षोभ सक्रिय होने से ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू होगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि 6 जनवरी तक हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। तापमान सामान्य से नीचे चल रहा हैं जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 7 जनवरी से हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विभाग सक्रिय होने वाला है, जिससे प्रदेशभर में 7 से लेकर 9 जनवरी तक बर्फबारी होने की संभावना है। विभाग ने कुल्लू, चम्बा, शिमला, किन्नौर और लाहौल स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान लगाया है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश और धुंध को लेकर चेतावनी जारी की है। बता दें है कि बारिश और बर्फबारी न होने से प्रदेश में सूखी ठंड पड़ रही है, जिससे बचने के लिए लोग गर्म कपड़े और आग का सहारा ले रहे हैं। शिमला, चम्बा, कुल्लू, लाहौल स्पीति और किन्नौर जिला के कुछ इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चल रहा है।
हिमाचल प्रदेश सोलन जिले में पिछले 15 दिन में लंपी के इक्का-दुक्का मामला सामने आया है। इसके बावजूद पशुपालन विभाग एहतियात के तौर पर जिले के सभी गोवंश की वैक्सीनेशन करवा रहा है। विभाग का टारगेट है कि 10 जनवरी तक जिला के सभी 1 लाख गोवंश की वैक्सीनेशन का काम पूरा कर लिया जाए ताकि लंपी वायरस जड़ से खत्म हो सके। पशुपालन विभाग ने पहले चरण में पंजाब और हरियाणा बॉर्डर एरिया में सभी पशुओं की कारपेट वैक्सीन का काम पूरा कर लिया है। अब तक जिले में करीब 30 हजार पशुओं की वैक्सीनेशन कर ली गई है। जिले में अब तक लंपी से 1643 पशुओं की जान गई है, लेकिन अब वायरस का प्रकोप कम हुआ है। विभाग ने इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए सभी पशुओं को वैक्सीन लगाने की योजना बनाई है। वहीं पशुपालन विभाग सोलन के डिप्टी डायरेक्टर डॉ बीबी गुप्ता ने जानकारी दी कि पिछले साल अगस्त माह में लंपी वायरस के मामले सामने आना शुरू हुए थे। उसके बाद से ही विभाग ने टीमें बनाकर एहतियात बरतनी शुरू कर दी थी।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में खत्म होगी। इस बीच कांग्रेस ने अपने नेता राहुल गांधी की सोच को जनता तक पहुंचाने के लिए हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा की रणनीति बनाना शुरू कर दी है। इस यात्रा के तहत राहुल गांधी की सोच को जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर पर ले जाने के लिए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता काम करेंगे। हिमाचल प्रदेश में हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं हिमाचल में यात्रा को सफल बनाने की जिम्मेदारी सह प्रभारी संजय दत्त को सौंपी गई है। हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी संजय दत्त ने यात्रा को सफल बनाने के लिए अलग-अलग जिलों में जाकर बैठक करना भी शुरू कर दी है। वहीं हिमाचल कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि राहुल गांधी ने देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए इस यात्रा की शुरुआत की गई है। इस यात्रा के जरिए देश में नफरत छोड़ने का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा के जरिए जनता तक राहुल गांधी की सोच पहुंचाने का काम किया जाएगा। साथ उन्होंने कहा कि इसे लेकर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ बैठक में तैयार कर ली गई है। इसी दौरान हिमाचल कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब अपने आखिरी चरण में पहुंच चुकी है। हरियाणा उत्तर प्रदेश होते हुए यह यात्रा हिमाचल प्रदेश के पठानकोट में पहुंचेगी। 19 जनवरी को यात्रा हिमाचल के पठानकोट पहुंचेगी। इस यात्रा में हिमाचल कांग्रेस के सभी विधायकों के साथ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आठ साल में नाकाम रही है। कांग्रेस कार्यकर्ता बीजेपी सरकार की नाकामी को जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भी भारत जोड़ो यात्रा का बेसब्री से इंतजार कर रही थी। ऐसे में जब यह यात्रा 19 जनवरी को पठानकोट पहुंचेगी, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता में भी उत्साह देखने के लिए मिलेगा।
जनवरी : प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में सफलता मिलेगी। आपका समाज में मान सम्मान बढ़ेगा। नौकरी में जो मौके पर ढूंढ रहे थे वो अब आपको मिलने वाले है। ये माह आपके स्वास्थ्य के लिए अनुकूल नहीं है। मौसमी बीमारी से बचना होगा और किसी को भी धन उधार नहीं दे वरना धन हानि सम्भव है। फरवरी : ये माह आपके लिए सुखदायक रहने वाला है। इस समय आपको संतान पक्ष से अच्छी खबर मिलेगी । अपनी पत्नी के साथ काफी अच्छा समय बिताने का मौका मिलने वाला है। इस समय किसी महिला मित्र के साथ साझेदारी में काम शुरू कर सकते है। मार्च : आपको टीम लीड करने का मौका मिलेगा। पैतृक संपत्ति का अगर कोई विवाद है तो वो इस माह सुलझ सकता है। कोर्ट केस का निर्णय आपके पक्ष में होगा। अप्रैल: आपको आकस्मिक धन हानि भी हो सकती है। वाणी पर संयम रखे अन्यथा आपके परिवार में ये कलह का कारण बन सकता है। आपकी पत्नी इस समय आपकी सहायक सिद्ध होगी। मई : मई का माह आपको बेहद परेशान करने वाला है। इस समय जीवन उतार चढ़ाव से भरा हुआ रहने वाला है। आपको अपनी नौकरी में भी कई दिक्क्तों का सामना करना पड़ सकता है। इस समय वाहन सावधानी से चलाये। जून : अगर आप विदेशी कारोबार से जुड़े है तो लेन देन में बेहद सावधानी रखने का समय है। इस समय आपके खिलाफ गुप्त रूप से कोई साजिश भी की जा सकती है। कोई गुप्त मदद मिल सकती है। जुलाई: इस समय सरकारी नौकरी कर रहे जातक अपनी बुद्धि के प्रभाव से किसी बड़े लक्ष्य की प्राप्ति करने में सफल होंगे। संतान पक्ष से शुभ समाचार प्राप्त होगा जिससे मन प्रसन्न रहेगा। अगस्त : इस समय आपको किसी के द्वारा गुप्त मदद मिल सकती है। आपको इस माह अहंकार और घमंड से बचना होगा। इस समय जो जातक सौंदर्य प्रसाधन के कारोबार से जुड़े है उन्हें लाभ होगा। आपके प्रेम संबंध इस समय बेहतर होने की उम्मीद की जा सकती है। सितम्बर : सितंबर माह में आपका आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ रहने वाला है। जो जातक अपने शोध के काम के लिए देश से बाहर जाना चाह रहे थे अब उन्हें सहयोग मिलने वाला है। किसी बड़े लक्ष्य को सम्पादित कर सकते है। इस समय पिता के साथ आपके मतभेद बढ़ सकते है। अक्टूबर : इस समय प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे जातकों को बेहद शुभ परिणाम मिलने की उम्मीद है।माह मध्य में आप अपने खर्चों को लेकर थोड़ा परेशान हो सकते है। आपको अपने व्यापार में नुकसान उठाना पड़ सकता है। नवंबर : इस समय स्त्री जातकों को अपनी सेहत को लेकर बेहद सावधान रहना होगा। मधुमेह के रोगी स्वास्थ्य को लेकर अधिक परेशान रहने वाले है। भाइयों से सहयोग पाकर आपका मन प्रसन्न होगा। दिसम्बर : परिवार में किसी मांगलिक कार्य का आयोजन होने के योग दिखाई दे रहे है वहीं इस समय आपको नया काम शुरू करने के लिए मदद भी मिलेगी। दिसंबर माह में आपको अपने व्यापार में अच्छा लाभ होने की उम्मीद है।
साल 2022 वो साल था जब करीब दशकों बाद कांग्रेस की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री का पद होली लॉज से छिन गया। साल 1985 से जब भी कांग्रेस पार्टी की सरकार बनी मुख्यमंत्री पद होली लॉज को ही मिला, मगर साल 2022 में ऐसा नहीं हो पाया। चुनाव के बाद प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार तो बनी मगर मुख्यमंत्री होली लॉज से नहीं बल्कि नादौन से मिला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में लगभग 6 दशक तक हॉली लॉज का खूब जलवा रहा। प्रदेश में 6 बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह के समय राज्य की सरकार एक तरह से हॉली लॉज से ही चला करती थी, लेकिन उनके निधन के बाद हॉली लॉज को प्रदेश अध्यक्ष का पद तो मिला पर मुख्यमंत्री का नहीं। वीरभद्र सिंह के निधन के बाद बाद उनकी धर्म पत्नी प्रतिभा सिंह ने लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीता भी। इसके बाद प्रतिभा सिंह को कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इसके बाद प्रतिभा सिंह मुख्यमंत्री की रेस में भी थी। लगातार उनके समर्थक उन्हें सीएम प्रोजेक्ट करते रहे मगर प्रतिभा सीएम पद से चूक गई।
साल 2022 ने हिमाचल प्रदेश को एक और बड़ी राजनीतिक सौगात दी है, जो इतिहास में दर्ज होगी। इस साल प्रदेश को पहला उपमुख्यमंत्री भी मिला। छोटे पहाड़ी राज्य हिमाचल में 2022 से पहले कभी कोई उपमुख्यमंत्री नहीं बना था। दरअसल कांग्रेस के सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री पद के लिए मची खलबली के कारण प्रदेश में उपमुख्यमंत्री पद सृजित किया गया। संभावित अंतर्कलह को साधने के लिए कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री का फार्मूला अपनाया और पूर्व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री प्रदेश के पहले डिप्टी सीएम बने। पत्रकारिता से राजनीति में आए मुकेश अग्निहोत्री को हिमाचल प्रदेश के पहले उपमुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। मुकेश एक कुशल राजनीतिज्ञ भी है और जबरदस्त वक्ता भी। 20 सालों की लम्बी सियासी पारी के बाद मुकेश अब इस मुकाम पर पहुंचे है। मुकेश उन नेताओं में शामिल रहें है जिनका नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में भी शामिल था। मुख्यमंत्री न सही पर प्रदेश के पहले उप मुख्यमंत्री होने का गौरव मुकेश अग्निहोत्री को प्राप्त हुआ है। 2017 में वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस विधायक दल के नेतृत्व के लिए मुकेश अग्निहोत्री पर भरोसा किया और मुकेश उस भरोसे पर खरे भी उतरे। बतौर नेता प्रतिपक्षपांच साल सदन में मुकेश अग्निहोत्री ने दमदार तरीके से न सिर्फ कांग्रेस का प्रतिनिधित्व किया बल्कि हर मुमकिन मौके पर जयराम सरकार को भी जमकर घेरा। इसी तपस्या का फल मुकेश को मिला और वे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बने।
साल 2022 में प्रदेश की राजनीति में भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। इस साल प्रदेश की सत्ता बदली और प्रदेश को नए मुख्यमंत्री मिले। कांग्रेस ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री चुना। ये पहली दफा है जब कांग्रेस ने निचले हिमाचल से किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाया। कांग्रेस के छात्र संगठन से राजनीति की शुरुआत करने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के सबसे दमदार चेहरों में से एक है। विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें प्रचार समिति की कमान देकर उन पर अपना भरोसा जताया था और अब उन्हें प्रदेश के मख्यमंत्री के तौर पर चुना गया है। छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरुआत करने वाले सुखविंदर सिंह सुक्खू आज प्रदेश की सत्ता के शिखर तक पहुंचे। चार दशकों से उन्होंने कांग्रेस के एक सच्चे सिपाही की तरह पार्टी के लिए खून-पसीना एक किया और इसका सिला उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी के तौर पर मिला है। एक साधारण परिवार में जन्मे, पले बढे सुक्खू ने सियासत में बगैर किसी गॉडफादर के फर्श से अर्श तक का शानदार सफर तय किया है। बतौर एनएसयूआई कार्यकर्ता नारे लगाने से लेकर प्रदेश का मुखिया बनने तक सुक्खू ने कई उतार चढ़ाव देखे है और निरंतर खुद को साबित किया है।
साल 2022 में रिवाज़ बरकरार रहा और कांग्रेस पार्टी सत्तासीन हुई। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में न सिर्फ सत्ता परिवर्तन हुआ बल्कि हिमाचल में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत भी हुई। इस चुनाव ने प्रदेश की सियासत की तस्वीर भी बदली और कई दिग्गजों को आईना भी दिखा दिया। एक लम्बे समय बाद प्रदेश के दो दिग्गज नेता 2022 के चुनावी मैदान में नहीं थे। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन के बाद जहाँ कांग्रेस करीब 37 साल बाद बिना वीरभद्र सिंह के चुनावी मैदान में उतरी तो वहीं भाजपा के दिग्गज नेता पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल भी चुनावी मैदान में नहीं उतरे। हालांकि कांग्रेस का चुनाव प्रचार वीरभद्र सिंह के इर्द गिर्द ही घूमता दिखाई दिया, जिसका लाभ कांग्रेस को मिला। डबल इंजन की सरकार कई दावों के बावजूद भी रिपीट नहीं कर पाई। हिमाचल प्रदेश भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का गृह राज्य है, इसके बावजूद यहाँ भाजपा सत्ता से बाहर हुई। कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत हासिल की तो वहीं भाजपा 25 सीटों पर सिमट गई। इस चुनाव में जहां भारतीय जनता पार्टी के 8 मंत्री चुनाव हार गए तो वहीँ कांग्रेस में सीएम की रेस में शामिल 3 बड़े नेता कौल सिंह ठाकुर, आशा कुमारी और रामलाल ठाकुर भी चुनाव नहीं जीत सके। इस चुनाव की एक और ख़ास बात ये रही की सिर्फ एक महिला ही चुनाव जीत कर विधानसभा पहुंची। इस बार कांग्रेस की तरफ से तीन महिला प्रत्याशी मैदान में थी तो वहीँ भाजपा की तरफ से 6 महिला प्रत्याशी मैदान में उतरी थी, मगर जीत सिर्फ पच्छाद से भाजपा प्रत्याशी रीना कश्यप की हुई। हिमाचल प्रदेश में चार लोकसभा क्षेत्र है, और दिलचस्प बात ये है कि इन चार के चार लोकसभा क्षेत्रों के सांसद अपने अपने क्षेत्रों में अपनी पार्टी को लीड नहीं दिला पाए है। चारो सांसदों के क्षेत्रों में उनकी पार्टी पिछड़ी है। हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर, कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर और शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप अपने क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी को बढ़त नहीं दिला पाए और सांसद प्रतिभा सिंह के मंडी संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस पिछड़ गई। इस चुनाव में सांसदों की परफॉर्मेंस के बाद चुनाव में इनका प्रभाव विश्लेषण का विषय बन गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार दशहरा हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में मनाया। उन्होंने यहां भगवान रघुनाथजी की रथयात्रा देखी और उनके दर्शन किए। अटल सदन के प्रांगण से मोदी ने देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पीएम मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर रघुनाथ जी के रथ तक पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। मोदी कुल्लू दशहरा उत्सव में शामिल होने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री हैं। कुल्लू में 47 मिनट रुकने के बाद मोदी दिल्ली लौट गए।
कुल्लू जिला की सैंज घाटी 4 जुलाई 2022 की सुबह चीख पुकारों से दहल गयी थी। सैंज घाटी के शैंशर क्षेत्र से अंजलि सूत नाम की निजी बस जंगला के पास 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के दौरान इस बस में 15 लोग सवार थे, जिसमें से 13 लोगों की मौत हो गई। दरअसल बरसात के मौसम में बारिश के चलते मार्ग पर मलबा गिरा हुआ था। इससे पहले सरकारी और एक निजी बस इस मार्ग से निकल चुकी थी। जब यह बस यहां से गुजरी तो चालक ने बस के टायर को सफेद लाइन से बाहर कच्ची सड़क पर निकाल दिया। जिसकी वजह से वह पलटकर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा। इस हादसे के बाद पुरे क्षेत्र में मातम पसर गया था।
चुनावी साल में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के तीन लाख से अधिक लोगों को बड़ी सौगात दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 14 सितम्बर 2022 को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में गिरिपार के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने का निर्णय लिया गया। सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र में रहने वाले हाटी समुदाय के लोग बीते पांच दशक से एसटी का दर्जा मांग रहे थे। दरअसल गिरिपार क्षेत्र के लोगों जैसी संस्कृति, परंपराओं और परस्पर संबंधों वाले उत्तराखंड के जौनसार बावर क्षेत्र के लोगों को 1967 में ही यह दर्जा दे दिया गया था, पर हिमाचल में ऐसा नहीं हुआ था। अब आखिरकार इन लोगों का दशकों का संघर्ष रंग लाया। गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा देने का मसला सीधे 154 पंचायतों से जुड़ा है और इसके दायरे में चार विधानसभा क्षेत्र आते है। चार विधानसभा क्षेत्रों में सीधा असर इस फैसले से पच्छाद की 33 पंचायतों और एक नगर पंचायत के 141 गांवों के कुल 27,261 लोगों को लाभ होगा। यहां एससी के 21,594 लोग एसटी में नहीं होंगे। रेणुका जी में 44 पंचायतों के 122 गांवों के 40,317 संबंधित लोगों को लाभ होगा। यहां एससी के 29,990 लोग बाहर होंगे। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में 58 पंचायतों के 95 गांवों के 66,775 लोग इसमें शामिल होंगे। 30,450 एससी के लोग इससे बाहर रहेेंगे। शिलाई में 58 पंचायतों के 95 गांवों के 66,775 लोगों को यह लाभ मिलेगा। एससी के 30,450 लोग यहां एसटी में नहीं होंगे। पांवटा में 18 पंचायतों के 31 गांवों के 25,323 लोग शामिल होंगे। यहां एससी के 9,406 लोग एसटी के दायरे से बाहर रहेंगे।
इस साल अर्जुन अवार्ड के लिए देशभर से 25 नामी खिलाडिय़ों का चयन किया गया था। जिसमें वेटलिफ्टिंग में अर्जुन अवार्ड हासिल करने वालों में विकास ठाकुर देश के एकमात्र खिलाड़ी हैं। करीब आठ साल के बाद वेटलिफ्टिंग में इस बार अर्जुन अवार्ड मिला है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के पटनौण के रहने वाले 29 वर्षीय विकास ठाकुर की इस उपलब्धि ने प्रदेश के साथ-साथ देश का माथा भी गर्व से ऊंचा किया। हमीरपुर जिला के पटनौण निवासी विकास ठाकुर ने लगातार तीसरे कामनवेल्थ गेम्स में पदक जीता। भारोत्तोलक विकास ने 96 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 346 किलोग्राम भार उठाकर रजत हासिल किया। इससे पहले 2018 में गोल्ड कोस्ट कामनवेल्थ में कांस्य पदक जीता था, जबकि 2014 के ग्लास्गो में हुई कामनवेल्थ गेम्स में भारत को रजत पदक दिला चुके हैं। विकास मौजूदा समय में लुधियाना में रहते हैं। लेकिन उनका पैतृक गांव हमीरपुर जिला के टौणी देवी में स्थित है। विकास ठाकुर भारतीय वायु सेना में सेवारत हैं। वायुसेना में नौकरी के साथ वह देश के लिए खेलते भी हैं।
पिता का सपना पूरा करने के लिए गांव के मैदान में कभी लड़कों के साथ क्रिकेट खेलने वाली प्रदेश के रोहड़ू की रेणुका सिंह ठाकुर ने राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। रेणुका ठाकुर ने भी बर्मिंघम में अपनी इनस्विंग गेंदबाजी का ऐसा जादू चलाया कि विपक्षी टीमों के बल्लेबाज धराशायी होते चले गए। रेणुका ने सबसे ज्यादा 11 विकेट लेने वाली गेंदबाज बनी। उनकी गेंदबाजी के बूते ही भारत रजत जीत पाया। अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में सात अक्तूबर 2021 को आस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू मैच खेला था। बारिश के कारण यह मैच पूरा नहीं हो पाया था। जबकि 22 फरवरी 2022 को क्यूनस्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। जिसमें रेणुका ने दस ओवरों में 59 रन देकर एक विकेट हासिल किया था।
साल 2022 में हिमाचल को AIIMS की सौगात मिली। PM मोदी ने 5 अक्टूबर 2022 को हिमाचल के बिलासपुर जिले में बने AIIMS का उद्घाटन किया था । अक्टूबर 2017 में PM मोदी ने इसका शिलान्यास किया था, तब बिलासपुर के जेपी नड्डा स्वास्थ्य मंत्री थे। बिलासपुर आज शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों में अव्वल है। पहले हिमाचल में एक विश्वविद्यालय से गुजारा होता था। गंभीर बीमारियों, शिक्षा या रोजगार के लिए चंडीगढ़ और दिल्ली जाना हिमाचल के लिए मजबूरी बन गया था। आज हिमाचल में आईआईटी भी है और एम्स भी। इन सुविधाओं से लैस है बिलापुर एम्स बिलासपुर एम्स 1470 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इस अत्याधुनिक अस्पताल में 18 स्पेशिएलिटी और 17 सुपर स्पेशिएलिटी विभाग, 18 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, 64 आईसीयू बेड के साथ 750 बेड शामिल हैं। यह अस्पताल 247 एकड़ में फैला है। यहां 24 घंटे आपातकालीन और डायलिसिस सुविधाओं, अल्ट्रासोनोग्राफी, सीटी स्कैन, एमआरआई आदि जैसी आधुनिक डायग्नोस्टिक मशीनों, अमृत फार्मेसी व जन औषधि केंद्र और 30 बिस्तरों वाले आयुष ब्लॉक बनाए गए है। अस्पताल ने हिमाचल प्रदेश के जनजातीय और दुर्गम जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए डिजिटल स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित किया है। साथ ही, काजा, सलूनी और केलांग जैसे दुर्गम जनजातीय और अधिक ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से अस्पताल द्वारा विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस अस्पताल में हर साल एमबीबीएस कोर्स के लिए 100 छात्रों और नर्सिंग कोर्स के लिए 60 छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। -हर साल 1,200 विद्यार्थी करेंगे डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगे हिमाचल प्रदेश में अब हर साल 1,200 विद्यार्थी डॉक्टरी की पढ़ाई करेंगे। वर्ष 2014 तक हिमाचल में केवल तीन मेडिकल कॉलेज थे और दो सरकारी थे। पिछले आठ साल में हिमाचल प्रदेश में पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेज बने हैं। 2014 तक अंडर ग्रेजुएट और पीजी विद्यार्थियों में सिर्फ 500 विद्यार्थी पढ़ सकते थे और आज यह संख्या 1,200 से अधिक हो चुकी है। यह दोगुने से भी ज्यादा है। एम्स में हर साल अनेक नए डॉक्टर बनेंगे। नर्सिंग से जुडे़ युवा भी प्रशिक्षण पाएंगे। इलाज भी बेहतर मिले और दूर तक जाना भी न पड़े, इसलिए एम्स, मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पतालों में क्रिटिकल केयर सुविधाओं और गांवों में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाने पर काम किया जा रहा है।
हिमाचल की सियासत के चाणक्य पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री पंडित सुखराम ने 11 मई 2022 को दुनिया को अलविदा कह दिया। पंडित सुखराम का इस दुनिया से रुक्सत होना हिमाचल के सियासत के एक अध्याय का खत्म होना है। पंडित जी सिर्फ सियासत के चाणक्य ही नहीं बल्कि किंग मेकर भी कहलाए जाते थे। वो पंडित सुखराम ही थे जिनकी बदौलत 1998 में वीरभद्र दूसरी बार सरकार रिपीट करने में असफल हुए और प्रो प्रेम कुमार धूमल पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। पंडित सुखराम प्रदेश के वो एकमात्र नेता थे जिन्होंने अपने दम पर प्रदेश में तीसरी पार्टी बनाकर भाजपा और कांग्रेस जैसे बड़े राजनैतिक दलों को दिन में तारे दिखाए। बतौर केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम ने जो काम हिमाचल के विकास या खास तौर पर मंडी के लिए किये, उन्हें भुलाया नहीं जा सकता। पंडित सुखराम का जन्म 27 जुलाई 1927 को हिमाचल के कोटली गांव में रहने वाले एक गरीब परिवार में हुआ था। पंडित जी ने दिल्ली लॉ स्कूल से वकालत की और फिर अपने करियर की शुरूआत बतौर सरकारी कर्मचारी की। उन्होंने 1953 में नगर पालिका मंडी में बतौर सचिव अपनी सेवाएं दी। इसके बाद 1962 में मंडी सदर से निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीते। 1967 में इन्हें कांग्रेस पार्टी का टिकट मिला और फिर से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद पंडित सुखराम ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। पंडित सुखराम के परिवार ने मंडी सदर विधानसभा क्षेत्र से 13 बार चुनाव लड़ा और हर बार जीत हासिल की। केंद्र की सियासत में भी था रसूख केंद्र की सियासत में भी पंडित सुखराम बड़ा नाम थे। सांसद रहते उन्होंने केंद्र में विभिन्न मंत्रालयों का कार्यभार संभाल। 1984 में सुखराम ने कांग्रेस पार्टी के टिकट पर पहला लोकसभा चुनाव लड़ा और प्रचंड जीत के साथ संसद पहुंचे। 1989 के लोकसभा चुनावों में उन्हें भाजपा के महेश्वर सिंह से हार का सामना करना पड़ा। 1991 के लोकसभा चुनावों में सुखराम ने महेश्वर सिंह को हराकर फिर से संसद में कदम रखा। 1996 में सुखराम फिर से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे। उन्होंने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया। सुखराम पीवी नरसिम्हा राव की सरकार में टेलीकॉम मिनिस्टर भी रहे। उन्हें भारत में संचार क्रांति का जनक भी कहा जाता है।
हिमाचल पुलिस बैंड ने वो कमाल कर दिखाया है जिसकी "खाकी' से उम्मीद नहीं की जा सकती। कलर्स चैनल के हुनरबाज टेलेंट शो में हारमनी ऑफ द पाइन्स हिमाचल पुलिस आरकेस्ट्रा ने देश के बेहतरीन-4 में जगह बनाकर इतिहास रच डाला है। वोट के आधार हुनरबाज देश की शान-2022 की ट्रॉफी बेशक आकाश सिंह ने अपने नाम की है, लेकिन पुलिस बैंड ने सबके दिल में अपनी जगह बनाई है। हिमाचल पुलिस ने पूरे देशभर में "खाकी' का मान बढ़ाया है। देश में आज तक किसी भी राज्य का पुलिस बैंड ऐसा कारनामा नहीं कर पाया है। वर्ष 1996 में शुरू हुए हिमाचल पुलिस के इस आरर्केस्ट्रा बैंड के पास कभी अपने वाद्ययंत्र नहीं होते थे। आज यह बैंड देशभर में खाकी का मान बढ़ा रहा है। हिमाचल पुलिस का आरर्केस्ट्रा देश का पहला ऐसा बैंड बन गया है, जिसे सरकार ने भी मान्यता दे दी है। यह बैंड पहले भी कई बड़े-बड़े मचों पर प्रस्तुति देता रहा है, लेकिन इस मर्तबा बैंड ने निजी चैनल के शो में हिस्सा लेकर ऊंची छलांग लगाई है।
आजाद हिंदुस्तान के पहले वोटर, 106 साल के श्याम सरन नेगी दुनिया को अलविदा कह गए। श्याम सरन नेगी को भारतीय लोकतंत्र का लीविंग लीजेंड भी कहा जाता था। 2022 के लिए श्याम सरन नेगी ने पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डालने की इच्छा जताई थी, लेकिन तबियत खराब होने के कारण उन्होंने घर से ही पोस्टल बैलट पेपर से मतदान किया था। मतदान के बाद श्याम सरन नेगी ने कहा था कि मतदान लोकतंत्र का महापर्व होता है और हम सभी को मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। श्याम सरन नेगी का जन्म 1 जुलाई 1917 को हिमाचल प्रदेश के कल्पा में हुआ। वह एक रिटायर्ड स्कूल मास्टर थे। उन्होंने पहली बार जब वोट किया था, तब वह 33 साल के थे। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के कल्पा गांव निवासी स्कूल टीचर श्याम शरन नेगी को अपने गांव से अलग प्रशासन द्वारा मतदान केंद्र प्रभारी बनाया गया था। नेगी एक वोट के मूल्य को समझते थे। वे मतदान शुरू होने से एक घंटे पहले यानि सुबह 6:00 बजे ही अपने गांव के प्राथमिक विद्यालय के मतदान केंद्र पर पहुंच गए। वहां उन्होंने अधिकारियों को बताया की उन्हें जल्द अपने स्कूल भी पहुंचना है। तैनात अधिकारी ने उन्हें 6:30 बजे मतपत्र दिया और नेगी पहले मतदाता बन गए। श्याम सरन नेगी ने 1951 के बाद से हर आम चुनाव में मतदान किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर में अपनी मां हीराबेन मोदी का अपना भाइयों के साथ अंतिम संस्कार किया। प्रधानमंत्री और उनके बड़े भाई सोमाभाई मोदी ने श्मशान घाट में अपनी मां की चिता को मुखाग्नि देते। इस दौरान उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी श्मशान घाट पर मौजूद थे। पीएम मोदी ने अपनी मां को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट करते हुए कहा, "शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम... मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है।" गौरतलब है कि मां हीराबेन मोदी को तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार (28 दिसंबर) को अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हीराबेन इसी साल 18 जून 2022 में 100 साल की हुई थीं। उनकी तबीयत मंगलवार रात (27 दिसंबर) में बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार (29 दिसंबर) को अस्पताल की ओर से बयान जारी कर बताया गया था कि उनकी तबीयत में सुधार है, लेकिन शुक्रवार (30 दिसंबर) सुबह उनका निधन हो गया। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार (28 दिसंबर) दोपहर दिल्ली से सीधे अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल मां से मिलने गए थे।
बुधवार को राज्य सचिवालय में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी संघ के साथ बैठक की। इस बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम की बहाली को लेकर चर्चा हुई दोनों पक्षों ने अपनी बातें दूसरे के सामने रखी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार मंत्रिमण्डल की पहली बैठक में प्रदेश के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में सम्पन्न आम विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणापत्र में राज्य के लोगों को 10 गारंटियां दी हैं। राज्य सरकार प्रदेश में इन सभी गारंटियों को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगी। वहीं, मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने अनावश्यक व्यय किया और अपने कार्यकाल के अंत में 900 से अधिक संस्थान खोले। इससे वार्षिक 5000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने चुनाव को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यकाल के दौरान अनावश्यक व्यय किया। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि पेंशन धारकों को नियमित और सम्मानजनक पेंशन मिले, इसके लिए रूप रेखा तैयार करनी होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भारत सरकार को पत्र लिखकर एनपीएस अंशदान के तहत संग्रह की गई राशि का भुगतान करने को कहा है। एनपीएस कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में ओपीएस लागू करने के प्रदेश सरकार के निर्णय के लिए कर्मचारी कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) को प्रतिवर्ष 1632 करोड़ रुपये का योगदान दे रहे हैं जो कि एक बहुत बड़ी राशि है। इस अवसर पर कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेन्द्र मनकोटिया ने भी अपने सुझाव दिये। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान, विधायक संजय अवस्थी, अनिरुद्ध सिंह एवं अजय सोलंकी, मुख्य सचिव आर.डी धीमान, अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना तथा एनपीएस कर्मचारियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर के निर्देश अनुसार प्रयास संस्था द्वारा सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की टीम ने अस्पताल हर घर, हर द्वार कार्यक्रम के तहत जिला बिलासपुर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में अपनी सेवाएं प्रदान की। विधानसभा क्षेत्र श्री नैना देवी, घुमारवीं एवं बिलासपुर सदर में बजुर्गों, महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा टीम ने बिलासपुर सदर के इंडस्ट्रियल एरिया, वार्ड नम्बर 1 में 57 लोगों के स्वास्थ्य की जांच एवं 40 लोगों की रक्त जांच की गई। वहीं मोबाईल स्वास्थ्य सेवा टीम श्री नैना देवी ने विधानसभा क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय में डॉ कानव के नेतृत्व मे 66 छात्रों के स्वास्थ्य की जांच की। स्वास्थ्य जांच मे 4 छात्र त्वचा रोग से ग्रसित पाए गए जबकि 62 छात्र अन्य बिभिन रोगों से ग्रसित पाए गए । बच्चों को उचित उपचार एवं नि:शुल्क दवाईयों का वितरण भी किया गया। सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की घुमारवीं टीम ने गांव कुरसवाई, ग्राम पंचायत बरोटा में जनता के स्वास्थ्य की जांच करने के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया । इस दौरान 42 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई।
नए साल के जश्न को लेकर बाहरी राज्यों से काफी तादाद पर्यटक शिमला समेत अन्य पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे है। शिमला, कुल्लू, मनाली,व डलहौज़ी समेत प्रदेश के अन्य पर्यटन स्थलों के होटलों की एडवांस बुकिंग चल रही है। पर्यटक बर्फबारी की उम्मीद लेकर हिमाचल का रुख कर रहे है।लेकिन फिलहाल अभी मौसम साफ बना हुआ है। मौसम विभाग ने 29 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है, ऐसे में नए साल पर बर्फबारी की उम्मीद है। यदि बर्फबारी होती है तो प्रदेश में काफी तादात में पर्यटक पहुचेंगे। वहीं राजधानी शिमला का रिज मैदान पर्यटकों से गुलज़ार हो गया है। 31 दिसंबर के लिए राजधानी शिमला के सभी होटल पूरी तरह से पैक हो गए हैं, अधिकतर पर्यटकों ने ऑनलाइन ही बुकिंग करवाई है। शिमला टूर एंड ट्रैवल एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन पाल ने कहा कि बर्फबारी की उम्मीद लेकर पर्यटक शिमला आ रहे हैं और 25 दिसंबर क्रिसमस पर शिमला के सभी होटल पूरी तरह से पैक थे और नए साल पर भी वीकेंड होने के चलते काफी तादाद में पर्यटक शिमला आने की उम्मीद है 31 दिसंबर के लिए भी एडवांस बुकिंग हुई है । वही पर्यटकों की आमद बढ़ने से राजधानी शिमला में जाम की समस्या बढ़ गई है। शहर में वाहनों को घंटो जाम में फसना पड़ रहा है। वही पर्यटकों की बढ़ती आमद को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग भी सतर्क हो गया है। खासकर रिज मैदान पर खासकर अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है और हर वक्त गश्त करते पुलिस जवान रिज पर घूमते नजर आ रहे हैं। एसपी शिमला रमेश शर्मा ने कहा कि नए साल को देखते हुए शिमला के रिज मैदान और माल रोड पर खासकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और यहां पर जवान हर समय तैनात किए गए हैं, इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जा रही है। वहीं पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर 24 घंटे रेस्टोरेंट्स खाने-पीने के ढाबे खोलने की अनुमति दे दी है प्रदेश में 2 जनवरी तक 24 घंटे ढाबे और रेस्टोरेंट खुले रखने की छूट रहेगी यही नहीं मुख्यमंत्री ने सभी जिला प्रशासन को पर्यटकों को तंग न करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नए साल का जश्न मनाने के लिए बाहरी राज्यों से काफी तादाद में पर्यटक हिमाचल आते हैं ऐसे में पर्यटकों को तंग ना करें और कानून व्यवस्था बनाए रखें उन्होंने कहा कि पर्यटकों को खाने-पीने के लिए भटकना न पड़े इसके लिए सभी रेस्टोरेंट और खाने-पीने के ढाबों को 24 घंटे खुला रखने की अनुमति दी है, इसके अलावा कोविड-19 मामलों को देखते हुए कोविड नियमो का पालन करने को भी कहा गया है।
धर्मशाला के खेल परिसर में बुधवार को 38वें राज्य स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ। 28 से 30 दिसम्बर तक चलने वाले युवा उत्सव की विधिवत शुरुआत करते हुए, उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने प्रदेश से आये लगभग 500 कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। युवा उत्सव के उद्घाटन के अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए उपायुक्त कांगड़ा ने उपस्थित युवाओं से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोक नृत्य, लोक गीत और अपनी संस्कृति से जुड़ी कलाओं से ही हमारी पहचान है तथा यह बड़े हर्ष का विषय है कि प्रदेश का युवा इस लोक विरासत को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि लोक परम्पराओं कों आगे बढ़ाने के साथ राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सबसे अधिक युवाओं के कंधो पर है। उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को अपने जीवन में उच्च आदर्श स्थापित करते हुए देश के उज्जवल भविष्य के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा अतीत से सबक ले, वर्तमान में जिए और भविषय का निर्माण करें। उन्होंने प्रदेश भर से आये युवा कलाकारों को पूरी तन्मयता से राज्य युवा उत्सव में होने वाली प्रतियोगिताओं में अपनी फनकारी का प्रदर्शन करने की बात कही। इस अवसर पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी एन.पी गुलेरिया ने आये हुए अतिथियों का स्वागत करते हुए राज्य युवा उत्सव के बारे में जानकारी दी। इन प्रतिस्पर्धाओं का होगा आयोजन तीन दिन चलने वाले राज्य युवा उत्सव में पूरे राज्य से आए लगभग 500 युवा प्रतिभागी 11 विधाओं में अपनी कलाओं का प्रदर्शन करेंगे। इनमें लोक नृत्य, लोक गीत, एकांकी (वन एक्ट प्ले), शास्त्रीय गायन, तबला वादन, बांसुरी वादन, सितार वादन, हारमोनियम वादन, कत्थक नृत्य, वाग्मिता (आशु भाषण) और पारंपरिक/लोक वाद्य यंत्र प्रतिस्पर्धाओं में युवा कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर के कंप्यूटर विज्ञान और इंजीनियरिंग विभाग ने आईटीआई जोगिंद्रनगर के लिए आवश्यक सॉफ्ट कौशल पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रो.अनूप ने बतौर मुख्यातिथि शिरक्त की। समापन समारोह के दौरान, कई प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम पर अपने विचार साझा किए। आईटीआई जोगिंद्रनगर से आई प्रतिभागी पायल ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उसने कई महत्वपूर्ण व्यक्तित्व विकास कौशल सीखे हैं। एक अन्य प्रतिभागी अक्षित ने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद उन्हें संचार कौशल के महत्व के बारे में पता चला। एक अन्य प्रतिभागी तनीषा ने कहा कि उन्होंने अपने दैनिक पेशेवर जीवन में बुनियादी कंप्यूटर कौशल के उपयोग के बारे में बहुत सारी जानकारी प्राप्त की है। छात्रों ने अनुरोध किया कि भविष्य में इस तरह के और कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। प्रतिभागियों की सीखने की क्षमता का आंकलन करने के लिए एक समीक्षा प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। जिसमें तनीषा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और विशाल कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के दूरदराज क्षेत्र गिरिपार के शिलाई गांव में किसान परिवार में जन्मे कपिल कुमार का चयन बतौर असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ऑफ जेल के रूप में हुआ है। कपिल कुमार इस पद पर पहुँचने वाले सबसे कम उम्र के युवा अधिकारी है। कपिल कुमार के पिता कल्याण सिंह व माता रुकमी देवी खेतीबाड़ी का कार्य करते है। कपिल कुमार की दो बहने कौशल्या व सुनीता वर्तमान में भाषा अध्यापक पद पर शिक्षा विभाग में सेवारत है, तथा छोटा भाई अमित कुमार प्रतियोगी परीक्षाओ की तैयारी में जुटा है। कपिल कुमार की स्कूली शिक्षा सरकारी स्कूल शिलाई से हुई है। उन्होंने साइंस स्ट्रीम में 12वी की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उतीर्ण की, तत्पश्चात स्नातक की डिग्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस गवर्नमेंट कॉलेज संजोली से प्रथम श्रेणी में प्राप्त की। कॉलेज से पास आउट होने के तुरंत बाद कड़ी लग्न के साथ जून 2016 में ही कपिल कुमार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी। बिना कोचिंग लिए स्वयं अध्ययन से कड़ी मेहनत व संघर्ष कर वह दो बार राज्य सहकारी बैंक के लिपिक पद भर्ती के साक्षात्कार तक पहुँचे, परन्तु अंतिम चयन नही हुआ। वर्ष 2017 में पुलिस विभाग में बतौर सिपाही कपिल कुमार भर्ती हुए। सिपाही पद पर कार्य करते हुए उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी और वर्ष 2018 में कर्मचारी चयन आयोग के लिपिक पोस्ट कोड 484 में उनका चयन हुआ, परंतु उन्होंने जॉइन नहीं किया। कपिल कुमार ने दो बार एलाइड सर्विसेज की प्रारंभिक परीक्षा पास की, परंतु मुख्य परीक्षा में सफलता प्राप्त करने से वह चूक गए। यही नहीं उन्होंने सब-इंस्पेक्टर पद की प्रारंभिक परीक्षा भी पास की। वर्ष 2019 में भाषा एवं संस्कृति विभाग में बतौर प्रिजर्वेशन अस्सिस्टेंट पद पर अंतिम चयन से बाहर हुए। वर्ष 2020 में मैट्रोलोजी इंस्पेक्टर पद के अंतिम चयन तक पहुँचे किंतु सफलता से चूक गए। लंबे संघर्ष व मेहनत के उपरांत वर्ष 2022 में बतौर असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट ऑफ जेल/वेलफेयर ऑफिसर पद पर उनका अंतिम चयन हुआ तथा अब वह जिला कारागार ऊना में अपनी सेवाएं दे रहे है। कपिल कुमार द्वारा प्राप्त इस उपलब्धि से जहाँ माता पिता व परिवार गर्व महसूस कर रहे, वही सम्पूर्ण क्षेत्र में खुशी की लहर है। कपिल कुमार का कहना है कि सिर्फ और सिर्फ कड़ी मेहनत व लग्न से मुकाम हासिल किया जा सकता। हमे असफलताओं से निराश नही होना चाहिए क्योंकि असफलता ही सफलता की कुंजी है।
देशभर में एक बार फिर से कोविड-19 की लहर डराने लगी है। इस बीच देश के कई राज्यों ने कोविड-19 को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है। हिमाचल प्रदेश में भी मास्क लगाना, उचित दूरी का पालन करने सहित अन्य प्रोटोकॉल का पालन करने की एडवाइजरी जारी की है। इसी बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। सीएम सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को राज्य में कोरोना के मामलों पर कड़ी निगरानी रखने और इसमें किसी भी तरह की संभावित वृद्धि की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक कार्यबल और मशीनरी को तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव केस सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग को भी मजबूत करना सुनिश्चित किया जाए। सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य में आंगतुकों को कोविड-19 के उचित व्यवहार के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ इससे संबंधित उचित निगरानी भी रखी जानी चाहिए। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि फ्लू जैसे लक्षण वाले लोगों की कोविड-19 की जांच भी अवश्य करवाई जाए ताकि उनका शीघ्र इलाज शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। वहीं, हिमाचल प्रदेश में प्रिकॉशन डोज की कमी को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जल्द ही वैक्सीन की कमी को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर वैक्सीनेशन की कमी है, वहां वैक्सीनेशन की कमी को पूरा किया जाएगा. वहीं प्रधान सचिव स्वास्थ्य सुभासीष पन्डा ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि प्रदेश में 2526 ऑक्सीजन युक्त समर्पित बिस्तर तथा 2046 कोविड समर्पित बिस्तर हैं। उन्होंने कहा कि कोविड टीकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस आज अपना 138वां स्थापना दिवस मना रही है। साल 1885 में आज ही के दिन यानी 28 दिसंबर को कांग्रेस की स्थापना हुई थी। हिमाचल प्रदेश की राजधानी में स्थित राजीव भवन में भी कांग्रेस ने अपना स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और अध्यक्ष प्रतिभा सिंह मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने देश की आजादी से लेकर देश को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस की योगदान को याद किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इस देश में सुई बनाने से लेकर मंगलयान बनाने तक का काम कांग्रेस सरकार ने पूरा किया है। पार्टी स्थापना दिवस के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संगठन से लेकर सरकार तक के सफर को याद किया। मुख्यमंत्री सीएम सुक्खू ने कहा कि एनएसयूआई से चुनाव लड़ कर क्लास रिप्रेजेंटेटिव बनने के बाद वे मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे है। उन्होंने कहा कि ऐसा सिर्फ कांग्रेस पार्टी में ही संभव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोटे से छोटे कार्यकर्ता को सम्मान देना जानती है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे सरकार को सेटल होने के लिए 2 से 3 महीने का समय दें। साथ ही उन्होंने सभी लोगों से कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा के साथ आगे बढ़ने का भी आह्वान किया। वहीं, हिमाचल प्रदेश में प्रिकॉशन डोज की कमी को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जल्द ही वैक्सीन की कमी को पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर वैक्सीनेशन की कमी है, वहां वैक्सीनेशन की कमी को पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन स्थलों में ढाबों और चाय की दुकानों को 24 घंटे खुले रखने की अनुमति दी गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की कोई समस्या न हो, इसके लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
प्रदेश में सुक्खू सरकार एक के बाद एक दमदार फैसले ले रही है। अब प्रदेश सरकार का एक और नया फैसला सामने आया है। प्रदेश सरकार ने राज्य में आने वाले सैलानियों की सुविधा के दृष्टिगत रेस्तरां, ढाबे, चाय तथा खान-पान की अन्य दुकानें इत्यादि को 2 जनवरी, 2023 तक दिन-रात खुले रखने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से दिन-रात होटल और ढाबे खुले रखने का आग्रह शिमला से विधायक हरीश जनारथा, मनाली से विधायक भुवनेश्वर गौड़ और कसौली से विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने किया था। इन तीनों ही विधायकों के क्षेत्र में पर्यटन कारोबार अधिक है। दरअसल प्रदेश में इस वक्त पर्यटकों की आमद बढ़ रही है जिससे प्रदेश के पर्यटन कारोबारियों को खासा लाभ हो रहा है। कोरोना काल में प्रदेश के पर्यटन कारोबारियों को बड़ा झटका लगा था, जिससे वे अब तक नहीं उभर पाए थे। मगर अब पर्यटकों के आने से परिस्थितियां बदल रही है। इस निर्णय के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा यह निर्णय इस पर्यटन सीजन में प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सरकार के इस निर्णय से पर्यटन व्यवसायियों ने राहत की सांस ली है। इससे सैलानियों को भी भोजन के लिए ईधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग को निर्देश दिए हैं कि सैलानियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री कहा कि राज्य सरकार इन प्रबन्धों को आगे भी जारी रखने पर विचार कर सकती है, हालांकि इसमें सम्बन्धित संस्थानों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करना होगा। गौरतलब है कि शिमला के होटलों में नए साल के जश्न की तैयारियां हो गई हैं। शिमला के पर्यटन विकास निगम और निजी होटलों में 31 दिसंबर की रात न्यू ईयर पार्टियां होंगी। राजधानी शिमला के होटल होलीडे होम में 31 दिसंबर को गाला डिनर का इंतज़ाम किया गया है। फूड फेस्टिवल के तहत सैलानियों को हिमाचली व्यंजन परोसे जाएंगे। डीजे म्यूजिक के साथ डाइन एंड डांस की भी व्यवस्था भी होगी। मुख्यमंत्री ने पर्यटन सीजन के दौरान सड़कों को बहाल रखने को कहा है, क्योंकि सैलानियों के अधिक संख्या में आने से खासकर कसौली, शिमला, धर्मशाला और कुल्लू में न्यू ईयर पर ट्रैफिक जाम लोगों को परेशान करता है। मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस को अभी से इंतजाम रखने को कहा है। कोविड प्रोटोकॉल अपनाने की एडवाइजरी वहीं सीएम सुक्खू ने पड़ोसी देशों में कोविड-19 की बिगड़ती स्थिति को ध्यान में रखते हुए यहां आने वाले सैलानियों से कोविड-19 से सम्बन्धित सभी सावधानियों के अनुपालन का भी आग्रह किया है । मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन समेत कुछ अन्य देशों में कोविड-19 के कारण हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इसे देखते हुए उन्होंने हिमाचल आने वाले पर्यटकों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह किया है। बता दें कि नए साल से पहले हिमाचल प्रदेश में पर्यटकों का सैलाब उमड़ पड़ा है। सैलानियों की भारी आमद के चलते राज्य के तमाम पर्यटन स्थलों में ट्रैकिक जाम की समस्या देखने को मिल रही है। आलम ये है कि पिछले 48 घंटों में अटल टनल से 30 हजार वाहनों की आवाजाही हुई है। हिमाचल के अधिकांश पर्यटन स्थलों पर 90 फीसदी से ज्यादा की ऑक्युपेंसी चल रही है। न्यू ईयर पर इसके शत प्रतिशत होने की संभावना है।