राजकीय महाविद्यालय ढलियारा में सोमवार 22 दिसंबर को राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के लगभग 200 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पावर पॉइंट प्रस्तुतियों, प्रश्नोत्तरी, भाषण तथा अन्य बौद्धिक एवं मंथन गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या-समाधान क्षमता तथा गणित के प्रति रुचि विकसित करना था। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजू आर. चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने दैनिक जीवन में गणित के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के विश्लेषणात्मक एवं आलोचनात्मक चिंतन को विकसित करने में सहायक होते हैं। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोग दिया।
व्यापार मंडल डाडा सीबा के सौजन्य से आज छठा रक्तदान शिविर स्थानीय आदर्श स्वास्थ्य संस्थान नागरिक अस्पताल में आयोजित किया गया। डाडा सीबा व्यापारी मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा की अध्यक्षता में आयोजित हुए इस शिविर में ब्लड सेंटर मेडिकल कॉलेज टांडा से आए डॉ कनुप्रिया की टीम ने अपनी सराहनीय भूमिका निभाई। वहीं इस दौरान कामगार एवं कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने ब्लड डोनेट किया। स्थानीय दुकानदारों के अलावा क्षेत्रभर के लोगों ने खूब बढ़चढ़ कर भाग लिया। व्यापार मंडल प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा ने बताया कि इस रक्तदान शिविर में करीब 61 यूनिट ब्लड जमा किया गया है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सभी को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा आदि पदाधिकारियों ने रक्तदान दानवीरों का धन्यवाद किया। इस मौके पर व्यापार मंडल के उप प्रधान सूरज वर्मा, सचिव सुनील शर्मा, कोषाध्यक्ष कृष्ण दत्त सरोच, पूर्व प्रधान धर्मचंद, सेवानिवृत्ति सहायक अभियंता विमल शर्मा सहित अन्य सैंकड़ो लोग मौजूद रहे।
हिमाचल प्रदेश कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार की अध्यक्षता में आज लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह, ज्वाली में उपमंडल स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ज्वाली उपमंडल के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति तथा विधायक प्राथमिकताओं के अंतर्गत स्वीकृत परियोजनाओं की स्थिति पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। कृषि मंत्री ने सभी विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को अधिकतम लाभ मिल सके। कृषि मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को ज्वाली डिग्री कॉलेज भवन के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस शीघ्र पूर्ण करवाने तथा भूमि को शिक्षा विभाग के नाम हस्तांतरित करने के निर्देश दिए, ताकि टेंडर प्रक्रिया जल्द आरंभ कर निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने ज्वाली खेल मैदान निर्माण के लिए वन विभाग को तुरंत एनओसी जारी करने तथा राजस्व विभाग को खेल मैदान की भूमि खेल विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को ज्वाली अस्पताल की पुरानी इमारत के मरम्मत कार्य, 50 बिस्तरों वाले नए भवन के निर्माण तथा नगरोटा सूरियां अस्पताल भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो सके। कृषि मंत्री ने बताया कि पीएमजीएसवाई-III के तहत विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सड़कों के उन्नयन कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगरोटा सूरियां से देहरा सड़क पर अधिक ट्रैफिक को देखते हुए इसे डबल लेन किया जा रहा है, ताकि जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि 87 करोड़ रुपये की लागत से गज्ज खड्ड पर बनने वाले पुल की मिट्टी की टेस्टिंग पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अनूही में देहर खड्ड पर प्रस्तावित पुल को लेकर भी अधिकारियों से चर्चा की गई। उन्होंने सड़कों के किनारे उचित जल निकासी के लिए नालियों के निर्माण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जल शक्ति विभाग से विधानसभा क्षेत्र की पेयजल योजनाओं की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट ली गई। कृषि मंत्री ने बताया कि ज्वाली शहरी क्षेत्र में अमृत-2 योजना के तहत 15.50 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ट्यूबवेल, स्टोरेज टैंक तथा पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही घाड़ जरोट क्षेत्र की 16 पंचायतों के 45 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 29.65 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ पेयजल योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं की पाइपलाइन रेलवे क्रॉसिंग से होकर गुजरनी थी, जिसके लिए रेलवे से अनुमति लेकर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने नगरोटा सूरियां में 34 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सीवरेज प्रणाली के निर्माण कार्य को भी गति प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में देहर खड्ड में अत्यधिक पानी आने से लोगों की भूमि को नुकसान होता है, इसलिए इसके तटीकरण एवं चैनलाइजेशन के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट नाबार्ड को भेजी गई है। बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने नगरोटा सूरियां क्षेत्र में कुछ स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए राजस्व विभाग को तुरंत निशानदेही कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ गंभीरता से लेने तथा उनके त्वरित समाधान के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास को जनसरोकारों से जोड़कर आगे बढ़ रही है और हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मोहिंदर धीमान, जल शक्ति विभाग के अधीक्षण अभियंता संजय ठाकुर, अधिशासी अभियंता मनोहर लाल शर्मा, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता विशाल पात्रवाल, तहसीलदार ज्वाली विनोद कुमार, तहसीलदार नगरोटा सूरियां ज्ञान चंद, डिग्री कॉलेज ज्वाली के प्रिंसिपल दिनेश शर्मा, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी भीष्म शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
ज्वालामुखी में पूर्व सैनिक संघ खुंडियां द्वारा शनिवार को मिलन समारोह कार्यक्रम का आयोजन खुंडियां में किया गया। जिसमें तहसील खुंडियां एवं कांगड़ा के अलग अलग क्षेत्रों से पूर्व सैनिक शामिल हुए। करोना काल के बाद यह आयोजन पहली बार हुआ। इस कार्यक्रम में 150 के करीब पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों के वेलफेयर से संबंधित जानकारियां कर्नल एम सी शर्मा सेवानिवृत (ज्वालामुखी), एवं कैप्टन जे एस पटियाल (वाइस चेयरमैन हिमाचल प्रदेश पूर्व सैनिक संघ) एवं पूर्व सैनिक संघ खुंडियां के चेयरमैन कैप्टन रमेश राणा ने दी। सभी पूर्व सैनिकों ने इस कार्यक्रम को सालाना करवाने हेतु सुझाव भी दिए। पूर्व सैनिक संघ खुंडियां के इस कार्यक्रम में कैप्टन देश राज राणा, कैप्टन ओम प्रकाश ,कैप्टन दिलीप सिंह, कैप्टन रोशन लाल, सूबेदार मेजर माधो राम, कैप्टन बलवंत सिंह, कैप्टन रमेश चन्द ,सूबेदार रविन्द्र ,कैप्टन रणवीर सिंह राणा ,कैप्टन अनिल राणा लगडू ,सूबेदार रॉय सिंह ,नायब सूबेदार सरवण सिंह छिलगा ,इंस्पेक्टर कुलदीप चंद बीएसएफ (बंनगल) ,हवलदार सुभाष चन्द (कुंदली हार) ,सूबेदार करतार सिंह, कैप्टन रणजीत सिंह ,कैप्टन संसार चन्द, कैप्टन जय चन्द (रोल) एवं नायक ए डी शर्मा (खुंडियां) विशेष रूप से शामिल हुए।
देहरा स्वास्थ्य खंड में 21 दिसंबर को ‘दो बूंद जिंदगी’ पल्स पोलियो अभियान के तहत बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। खंड चिकित्सा अधिकारी देहरा डॉ. हरिंदर पाल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें अभियान के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे 0 से 5 वर्ष की आयु वर्ग के अपने बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर लाकर दवा अवश्य पिलवाएं। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य खंड देहरा में लगभग 6,115 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, जिसके लिए कुल 68 बूथ स्थापित किए गए हैं। सिविल अस्पताल देहरा में भी एक विशेष बूथ बनाया गया है। यह अभियान 14 सुपरवाइजरों की देखरेख में चलाया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य कर्मी, आशा वर्कर और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तैनात रहेंगे। 21 दिसंबर को बूथों पर दवा पिलाई जाएगी, जबकि 22 और 23 दिसंबर को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
भारतीय जनता पार्टी ने राज्य स्तरीय लोहड़ी उत्सव 2026 के आयोजन को लेकर आम लोगों से पर्चियां छपवाकर पैसे की “गुराही” करने के सरकार के प्रयासों की कड़े शब्दों में निंदा की है। भाजपा मंडल अध्यक्ष परागपुर विनोद शर्मा ने कहा कि वर्तमान सरकार पहले ही प्रदेश की आर्थिक स्थिति खराब कर चुकी है और अब वह सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गरिमा से भी खिलवाड़ कर रही है। विनोद शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने प्रागपुर के लोहड़ी उत्सव को राज्य स्तरीय दर्जा दिया था और तब से इसका आयोजन होता आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने इस राज्य स्तरीय उत्सव की मर्यादा को लगातार ठेस पहुंचाने का प्रयास किया है। पूरे प्रदेश में लोहड़ी उत्सव के नाम पर प्रागपुर को बदनाम किया जा रहा है। विनोद शर्मा ने कहा कि इससे पहले भी इस उत्सव के आयोजन का स्तर गली-मोहल्ले के कार्यक्रम जैसा कर दिया गया था, लेकिन इस बार तो उत्सव की गरिमा को पूरी तरह तार-तार कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पर्चियां छपवाकर लोगों से गुराही करना न केवल उत्सव की मर्यादा के खिलाफ है, बल्कि यह प्रागपुर के लोगों का अपमान भी है। भाजपा ने मांग की कि राज्य स्तरीय लोहड़ी उत्सव का आयोजन पूरी तरह सरकारी खर्चे पर किया जाए और जनता से गुराही लेना तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि लोहड़ी एक लोकपर्व है, जिसमें लोग अपने घरों से ही खिचड़ी खाकर आते हैं, बच्चे लोहड़ी मांगते हैं, रेवड़ी, मूंगफली, गच्चक और हार का आदान-प्रदान होता है। रात्रि के समय प्रत्येक प्रागपुरवासी अपने घर में अग्नि प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना करते है और मंदिरों को सजाया जाता है, जिसमें सभी लोग सहभागिता निभाते हैं। इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं होती।
सुनहेत स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के भवन निर्माण हेतु देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह राशि स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के खाते में जमा करवा दी गई है। स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार धीमान ने बताया कि स्कूल भवन की स्थिति काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। इस संबंध में स्कूल प्रबंधन समिति, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और विद्यालय के अध्यापकों ने विधायक कमलेश ठाकुर से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया था। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई। इस सहयोग के लिए स्कूल प्रधानाचार्य, समस्त स्टाफ और स्थानीय लोगों ने विधायक कमलेश ठाकुर का आभार व्यक्त किया है।
पर्यटन को बढ़ावा देने और हिमाचली संस्कृति को देशभर में पहचान दिलाने के मकसद से धर्मशाला एक बार फिर उत्सव की रौनक से सराबोर होने जा रहा है। 24 से 31 दिसंबर तक आयोजित होने वाला कांगड़ा वैली कार्निवल इस वर्ष पहले से अधिक भव्य, रंगीन और आकर्षक रूप में सामने आएगा। ड्रोन शो, प्रसिद्ध गायकों की प्रस्तुतियां, लोक संस्कृति, खेल गतिविधियां और स्थानीय उत्पाद इस आयोजन को खास बनाएंगे। आठ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। जिला प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्निवल की शुरुआत 24 दिसंबर को भव्य शोभा यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा उपायुक्त कार्यालय परिसर से शुरू होकर पुलिस मैदान तक पहुंचेगी। कार्निवल के दौरान कुल आठ सांस्कृतिक संध्याएं आयोजित होंगी। 24 दिसंबर को केरल का प्रसिद्ध बहुशैली संगीत बैंड थाई कुडम प्रस्तुति देगा। 25 दिसंबर को बॉलीवुड गायक अंकित तिवारी, 26 दिसंबर को सूफी गायक कंवर ग्रेवाल दर्शकों को अपने सुरों से मंत्रमुग्ध करेंगे। 27 दिसंबर को कुमार साहिल और 28 दिसंबर को कुलदीप शर्मा, करनैल राणा सहित अन्य हिमाचली कलाकार मंच संभालेंगे। 29 दिसंबर को पंजाबी गायक बब्बू मान अपनी दमदार आवाज से समां बांधेंगे। 30 दिसंबर को रैपर पैराडॉक्स युवाओं में जोश भरेंगे। 31 दिसंबर को इंशात भारद्वाज, नेहा समेत अन्य कलाकार नए साल के स्वागत से पहले दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। इसी दिन भव्य आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। कार्निवल का विशेष आकर्षण आधुनिक तकनीक से सजा ड्रोन शो होगा। इसके अलावा क्रिकेट व फुटबॉल प्रतियोगिताएं, स्ट्रीट थिएटर, मैराथन और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। हॉट एयर बैलून राइड लोगों के लिए खास अनुभव लेकर आएगी। कार्निवल के दौरान मिलेट्स फेस्टिवल और क्राफ्ट बाजार का आयोजन भी किया जाएगा। जो लोग आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से कार्यक्रमों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।
पंजाब में संपन्न हुए जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों में आम आदमी पार्टी को मिली प्रचंड जीत पर पार्टी नेता नितिन अंगारिया ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत पंजाब की जनता के विश्वास, बदलाव की राजनीति और ईमानदार शासन पर लगी स्पष्ट मुहर है। नितिन अंगारिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों पर जनता ने एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को सशक्त बनाने के लिए पार्टी द्वारा गांव-गांव तक किए जा रहे प्रयासों का असर इन चुनावों के नतीजों में साफ नजर आता है। उन्होंने नवनिर्वाचित जिला परिषद और ब्लॉक समिति सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्हें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ कार्य करना होगा। नितिन अंगारिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी की यह जीत विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का करारा जवाब है और यह साबित करती है कि पंजाब की जनता अब पुराने ढर्रे की राजनीति नहीं, बल्कि काम की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। अंत में उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, उम्मीदवारों और मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत हर उस पंजाबी की जीत है, जो एक बेहतर, ईमानदार और समृद्ध पंजाब का सपना देखता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी पंजाब को विकास और खुशहाली की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां–प्रागपुर विधायक बिक्रम ठाकुर ने कांगड़ा वैली कार्निवल के नाम पर व्यापारिक संस्थानों से आर्थिक सहयोग जुटाने के मामले को लेकर कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सिविल सप्लाई विभाग के कांगड़ा जिला नियंत्रक का पत्र सोशल मीडिया में वायरल होना इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि कांग्रेस सरकार अब सांस्कृतिक आयोजनों की आड़ में उगाही को सरकारी नीति बना चुकी है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में कांगड़ा वैली कार्निवल जैसे आयोजनों को लेकर गंभीर है, तो इसके लिए बजट में स्पष्ट प्रावधान क्यों नहीं किया गया। सरकारी कार्यक्रमों के लिए व्यापारियों और दुकानदारों से पैसा मांगना सरकार की नीयत और वित्तीय कुप्रबंधन को दर्शाता है। यह सहयोग नहीं, बल्कि दबाव और भय के माहौल में की जा रही जबरन वसूली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रदेश को “चंदा राज” की ओर धकेल रही है, जहां हर सरकारी आयोजन जनता की जेब पर डाका डालकर किया जा रहा है। पहले टैक्स, अब कार्निवल के नाम पर वसूली यह कांग्रेस की जनविरोधी सोच को उजागर करता है। व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालना पूरी तरह अनुचित और निंदनीय है। पूर्व मंत्री ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस सरकार आर्थिक संकट का रोना रोती है, दूसरी तरफ भव्य आयोजनों की योजना बनाकर जनता से पैसा ऐंठने में जुटी है। तीन साल के शासन में विकास ठप पड़ा है, रोजगार के अवसर समाप्त हो चुके हैं और अब व्यापार वर्ग को भी परेशान किया जा रहा है। बिक्रम ठाकुर ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस सरकार ने उगाही की यह नीति बंद नहीं की, तो भाजपा व्यापारियों और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए मजबूती से सड़कों पर उतरेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के दौरे पर रहेंगे। उनके आगमन को लेकर ज्वालामुखी क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, वहीं कई मार्गों पर अस्थायी तौर पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए गए हैं। 20 दिसंबर 2025 को कांगड़ा जिले के सपड़ी स्थित SSB प्रशिक्षण केंद्र में सीमा सशस्त्र बल (BSF) का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। फिलहाल उनके किसी अन्य राजनीतिक कार्यक्रम में भाग लेने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। गृह मंत्री के दौरे से पहले जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की रिहर्सल भी की जाएगी, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सुरक्षा को देखते हुए सुबह 11:15 बजे से लेकर कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि के पहुंचने तक, तथा दोपहर 2 बजे के बाद कार्यक्रम समाप्ति और वापसी तक, कुछ प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, आपातकालीन और मेडिकल सेवाओं के लिए वैकल्पिक मार्ग खुले रखे जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे प्रतिबंधित मार्गों से बचें, वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में लोग थाना ज्वालामुखी (01970-222322) पर संपर्क कर सकते हैं।
नूरपुर के SDM अरुण शर्मा ने मंगलवार को मीडिया से रूबरू होते हुए क्षेत्र में धड़ल्ले से बिक रही प्रतिबंधित पॉलीथिन को लेकर कड़ा रुख अपनाया। SDM ने इस विषय पर प्रेस वार्ता कर स्पष्ट किया कि पॉलीथिन बिक्री और उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है, इसके बावजूद नियमों की खुलेआम अवहेलना की जा रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा शीघ्र ही विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत दुकानदारों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सब्जी मंडियों में औचक जांच की जाएगी। प्रतिबंधित पॉलीथिन बेचने या उपयोग करते पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार चालान और सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। SDM अरुण शर्मा ने व्यापारियों से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के मद्देनज़र नियमों का पालन करें और कपड़े व कागज के थैलों का उपयोग करें। साथ ही आम जनता से भी आग्रह किया कि वे पॉलीथिन का प्रयोग न करें और प्रशासन को सहयोग दें। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। इसके बावजूद अगर कोई इसकी बिक्री या उपयोग करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पर्यावरण को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बाबा कांशीराम राजकीय महाविद्यालय, डाडा सीबा में मंगलवार को नवनियुक्त प्राचार्य डॉ. रजनी संख्यांन ने विधिवत रूप से प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यभार संभालने के उपरांत डॉ. रजनी संख्यांन ने अपने संबोधन में महाविद्यालय के शैक्षणिक विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि भविष्य में महाविद्यालय में विज्ञान संकाय की कक्षाएं शुरू करने, रिक्त पदों को भरने तथा विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य डाडा सीबा एवं आसपास के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके बेहतर भविष्य निर्माण में महाविद्यालय की भूमिका को सशक्त बनाना है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुम्मर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की स्वयंसेविका कुमारी अंकिता का चयन राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस शिविर के लिए किया गया है। यह चयन हाल ही में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊना में 10 नवम्बर से 15 नवम्बर तक आयोजित प्री-गणतंत्र दिवस चयन शिविर के दौरान किया गया। इस शिविर में पूरे हिमाचल प्रदेश से लगभग 300 स्वयंसेवकों ने भाग लिया, जिनमें विद्यालय के स्वयंसेवक अमन और अंकिता भी शामिल थे। दोनों स्वयंसेवकों ने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक दक्षता, मार्च-पास्ट एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंततः मार्च-पास्ट के आधार पर कुमारी अंकिता का चयन राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस शिविर के लिए किया गया। बता दें कि अब कुमारी अंकिता 26 जनवरी 2025 को शिमला स्थित रिज मैदान में राज्यपाल को सलामी देंगी। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जोगिंदर कुमार ने एन.एस.एस. प्रभारी शिव राम, रीना देवी, समस्त अध्यापकों, चयनित स्वयंसेविका कुमारी अंकिता तथा उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंकिता राज्य स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन करेंगी। विद्यालय पहुँचने पर अध्यापकों द्वारा बच्चों का हार पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर एन.एस.एस. प्रभारी शिव राम ने बताया कि अंकिता का चयन होना हमारी इकाई के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि अंकिता ने एन.एस.एस. इकाई के साथ-साथ कार्यक्रम अधिकारियों एवं समस्त अध्यापकों का नाम रोशन किया है और वह आने वाले सभी स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणा स्रोत बनी हैं। इस स्वागत कार्यक्रम में विद्यालय के सभी अध्यापक एवं गैर-अध्यापक कर्मचारी उपस्थित रहे।
भाजपा किसान मोर्चा के मंडल प्रागपुर व जसवां की पहली बैठक आज ढलियारा में विधायक एवं पूर्व मंत्री ठाकुर बिक्रम सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में डाडासीबा–वतवाड स्थित कृषि विभाग कार्यालय के पिछले लगभग एक साल से बंद पड़े होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। किसानों ने कहा कि कृषि विभाग कार्यालय के बंद होने से उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को न तो समय पर बीज उपलब्ध हो पा रहे हैं और न ही मिट्टी की गुणवत्ता जांच से संबंधित जानकारी केंद्र से मिल पा रही है। सभी किसान पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो किसान मोर्चा संघर्ष का रास्ता अपनाने से भी पीछे नहीं हटेगा। बैठक में यह निर्णय लिया गया की किसानों के हितों को बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा तथा प्रत्येक बूथ से 10–10 किसान मोर्चा सदस्यों का चयन शीघ्र किया जाएगा। साथ ही केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही किसान-हितैषी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन–जन तक पहुंचाने का लक्ष्य भी तय किया गया। किसानों को आवारा पशुओं व बंदरों से हो रही परेशानियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस बैठक में जिला भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. राज कुमार खरियाल, प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा की प्रवक्ता आरती राणा, भाजपा मंडल प्रागपुर के अध्यक्ष विनोद शर्मा, महामंत्री सुरेश शर्मा, सचिव सुषमा राणा सहित जिला व मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
धर्मशाला में खेले गए भारत–दक्षिण अफ्रीका के तीसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम 117 रन पर सिमट गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 15.5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। 118 के जवाब में उतरी भारत की शुरुआत बेहद शानदार रही। शुभमन और अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी की। हालांकि, छठे ओवर में भारत को पहला झटका लगा, जब अभिषेक 35 रन की पारी खेलकर आउट हुए, लेकिन गिल और तिलक वर्मा जमे रहे। 10 ओवर में भारत का स्कोर 88-1 था। 12वें ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा, जब शुभमन गिल 28 रन बनाकर आउट हुए। 15वें ओवर में भारत को तीसरा झटका लगा, जब सूर्यकुमार 12 रन बनाकर आउट हुए। तिलक (26) व शिवम दुबे (10) रन बनाकर नाबाद लौटे। गौरतलब है कि धर्मशाला में भारत ने अपना पहला टी-20 मुकाबला 2 अक्टूबर 2015 को खेला था, जो इस मैदान का भी पहला टी-20 मैच था। वह मुकाबला भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ही हुआ था, जिसमें दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली थी।
14 दिसंबर को यानि की आज इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच T20 मैच खेला जाएगा। इसके लिए भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें धर्मशाला पहुंच चुकी हैं। 12 दिसंबर को दोनों टीमें धर्मशाला पहुंची थी। भारतीय टीम कप्तान सूर्यकुमार यादव तो दक्षिण अफ्रीका ऐडन मार्करम की अगुवाई में मैदान में उतरेगी। रविवार शाम सात बजे मैच शुरू होगा। शाम को साढ़े छह बजे टॉस होगा। अभी तक सीरीज में दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता है। अब तीसरा अहम मुकाबला धर्मशाला में खेला जाएगा। मैच के 90 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं। सुरक्षा के लिए मैदान और बाहर एक हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है। दर्शकों को ई टिकट जारी हैं। वे फोन में क्यूआर कोड स्कैन करवाकर स्टेडियम में एंट्री कर सकते हैं। दर्शकों का स्टेडियम में खाद्य पदार्थों के अलावा बोतल, कैमरा, सिक्कों, कड़ों और दूर से फेंके जाने वाली चीजें ले जाने पर पाबंदी रहेगी। मैदान में लगे एडवांस सब एयर सिस्टम से बारिश के बाद मैदान को 15 से 20 मिनट में फिर खेलने के लिए तैयार कर लिया जाएगा। वहीं, शनिवार को प्रैक्टिस के दौरान आसमान में घने बादल छाए रहे और काफी ठंड रही। पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण मौसम में अचानक बदलाव की संभावना को ध्यान में रखते हुए टीम इंडिया ने हर परिस्थिति के अनुरूप खुद को ढालने की कोशिश की। ठंड और नमी के बावजूद खिलाड़ियों ने अभ्यास में कोई ढील नहीं दी और पूरे सत्र में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटे रहे। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने आज हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। ऐसे में ठंड में और ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, आज मैच पर भी बादल मंडरा सकते हैं। हालांकि मैच सफलतापूर्वक हो और बारिश जैसी कोई अड़चन न आए, इसके लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (HPCA) के पदाधिकारियों ने इंद्रुनाग देवता (बारिश का देवता) के दरबार में हाजिरी लगाई। हर मैच से पहले HPCA भगवान इंद्रुनाग के दरबार में जाकर हवन व पूजा-अर्चना करते हैं, ताकि मैच सफलतापूर्वक आयोजित हो।
शुक्रवार को गांव अमरेहड मझीन के 46 वर्षीय पूर्व सैनिक नायक अश्वनी कुमार का हार्टअटैक से निधन हो गया। पूर्व सैनिक लीग खुंडियां के चेयरमैन रिटायर्ड कर्नल एम एस राणा ने बताया कि अश्वनी कुमार जून 1997 में सेना सेवा कोर में भर्ती हुए थे तथा 18 साल की सेवा उपरांत अप्रैल 2015 को रिटायर हुए थे। जिसके बाद कुल्लू में प्रोजेक्ट में कार्यरत थे। वहीं पिछले कल सुबह ड्यूटी के दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही इनकी मृत्यु हो गई। अश्वनी कुमार अपने पीछे पत्नी एवं एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए। निधन से परिवार को गहरा झटका लगा है। वही शनिवार को अश्वनी कुमार का अंतिम संस्कार किया गया।
राजकीय महाविद्यालय ढालियारा में प्रबंधन एवं करियर निर्माण गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ द्वारा “लॉजिस्टिक्स सेक्टर में करियर के नए आयाम” विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजू चौहान ने की। इस अवसर पर शिशांक शर्मा एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को समग्र करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया तथा लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में उपलब्ध प्रशिक्षण एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को करियर से जुड़े विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया और स्वरोजगार की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में प्रबंधन, कंप्यूटर एवं रसायन विज्ञान विभाग से डॉ. राजीव रतन, डॉ. अनीता, प्रो. बलवित सिंह, विकास कालिया, अनुराधा, रिचा, रुचिका सहित अन्य शिक्षकगण विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा संगठनात्मक जिला देहरा के तहत मंडल के ढलियारा के सोशल मीडिया संयोजक रविन्द्र शर्मा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया टीम कार्यकारिणी की घोषणा की। रविन्द्र शर्मा ने बताया कि सह-संयोजक पद पर देहरा निवासी गोपी शर्मा,बढ़ल ठोर निवासी अनमोल गुलेरिया,बह धौंटा निवासी रजत ठाकुर,नांगल बीहन निवासी अंकित कुमार को नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ नागरिक मंच देहरा की मासिक बैठक शुक्रवार को नेहरन पुखर स्थित देवी माता मंदिर में जगदीश चन्द आजाद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में भूपेश उप्पल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ओंकार सिपहिया महासचिव, कैप्ट. दिलबाग कोषाध्यक्ष, सुनील वैद प्रेस सचिव सहित भागी राम, धर्मवीर खट्टा, सुमन ध्याल, रीता शर्मा, मोहिंदर धीमान, यशपाल, प्रकाश चन्द, शंकर परमार प्रबंधक, डे-केयर सेंटर तथा क्षेत्र के आमंत्रित स्थानीय सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि श्री नैना देवी तथा श्री आनंदपुर साहिब का भ्रमण 07 जनवरी 2026 को किया जाएगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन 25 दिसंबर तक ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर किया जाएगा।साथ ही मंच की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए चार नए सदस्यों को भी शामिल किया गया। कार्यकारिणी ने सपना देवी, विधवा स्व. सुमिंदर कुमार वार्ड नं. 1, देहरा को रु. 1000 मासिक अनुदान देने को स्वीकृति प्रदान की।
बाबा कांशीराम राजकीय महाविद्यालय के द्वितीय वर्ष के छात्र रिहान चौहान का भारतीय सेना की क्लेरिकल सेवा में चयन हुआ जिससे महाविद्यालय में हर्ष का माहौल है। चयन की सूचना मिलते ही महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य, शिक्षकों तथा गैर-शिक्षक स्टाफ ने रिहान को बधाई दी और मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उनके परिजनों को भी इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई प्रेषित की गई। रिहान की इस सफलता पर महाविद्यालय छात्र संघ की कार्यकारिणी भी बेहद उत्साहित रही। छात्रसंघ की प्रधान तमन्ना ठाकुर ने कहा कि रिहान की यह उपलब्धि महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करेगी। तमन्ना ठाकुर ने यह भी बताया कि महाविद्यालय में छात्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु विशेष निःशुल्क कक्षाएँ आयोजित की जा रही हैं, ताकि छात्र भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर रूप से तैयार हो सकें।
आज खुंडिया मंडल में पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी रविंद्र सिंह रवि ने मंडल के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, मोर्चा पदाधिकारियों, ग्राम केंद्र प्रमुखों तथा आईटी प्रभारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की। इस बैठक में पार्टी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रेमलता, मंडल उपाध्यक्ष ललिता चौहान, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजय राणा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अशोक कुमार, एससी मोर्चा अध्यक्ष गुरुदेव, किसान मोर्चा अध्यक्ष जयचंद, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण राणा, महामंत्री नरेंद्र अगन, महामंत्री राजेश शर्मा, महामंत्री संजीव, मीडिया प्रभारी रघुवीर सिंह राणा, प्रवक्ता पृथ्वी चंद, मनोज कुमार, लगडू, मधुबाला, प्रवीण कुमार तथा कार्यालय सचिव कश्मीर सिंह डढवाल सहित मंडल कार्यकारिणी और ग्राम केंद्र सदस्यों ने विशेष रूप से भाग लिया। कार्यालय सचिव कश्मीर सिंह डढ़वाल और मंडल कार्यकारिणी ग्राम केंद्र सदस्यों ने आज की बैठक में विशेष रूप से भाग लिया। भाजपा मंडल खुंडिया की विशेष बैठक में मंडल के 48 वूथो को पांच जोन मे बांटा गया जिसमें जुरुडी नाहलिया पिहड़ी के प्रभारी कल्याण सिंह, सह प्रभारी प्रदीप कुमार, डोला खरयाना लगडू सलिहार के प्रभारी कुशल सिंह, सह प्रभारी संसार चंद, खुंडिया बारी थिल प्रभारी गुरबख्श सिंह, सह प्रभारी कुलदीप सिंह, सुरानी अलूहा टिहरी के प्रभारी दिलीप सिंह, सह प्रभारी बिशन दास, मक्षिण धतेहड के प्रभारी देवेंद्र कुमार, सह प्रभारी करतार सिंह हैं मंडल अध्यक्ष ने कहा यह सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से जारी की गई है।
धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 14 दिसंबर को होने वाले टी-20 मैच के लिए ऑफलाइन टिकटों की बिक्री 11 दिसंबर से शुरू होगी। इसके लिए एचपीसीए गुरुवार से स्टेडियम के गेट के पास ऑफलाइन टिकट काउंटर स्थापित कर रहा है। क्रिकेट प्रेमी सुबह 10 बजे के बाद लाइन में लगकर टिकट खरीद सकेंगे। फिलहाल टिकटों की बिक्री ऑनलाइन चल रही है, जिनमें 1500 रुपये का सबसे सस्ता और 20,000 रुपये का सबसे महंगा टिकट उपलब्ध था। ऑनलाइन पोर्टल पर सस्ते टिकट पहले ही बिक चुके हैं। ऑफलाइन काउंटर पर टिकटें पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेंगी। जो दर्शक जल्दी पहुंचेगा, उसे सस्ता टिकट पाने का अधिक मौका होगा।एचपीसीए ने स्टेडियम के बाहर काउंटर से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि दर्शकों को टिकट लेने में किसी तरह की दिक्कत न आए। मैच की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम को बुधवार से आम लोगों और पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाएगा। अब स्टेडियम में आम प्रवेश केवल मैच के बाद ही पुनः शुरू किया जाएगा। एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने बताया कि तैयारी कार्य सुचारू रखने और भीड़ से बचने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑनलाइन टिकट बुक कराने वाले दर्शक अपनी हार्ड कॉपी बॉक्स ऑफिस से प्राप्त कर सकेंगे।
न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम के विरोध में राजकीय माध्यमिक पाठशाला थड़ा में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ खुंडियां व थुरल का प्रतिनिधिमंडल विधायक संजय रतन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों व कर्मचारियों से जुड़े महत्त्वपूर्ण मुद्दों को हिमाचल सरकार के समक्ष उठाने की मांग की। प्रतिनिधियों ने बताया कि 3 सितंबर 2025 को जारी अधिसूचना के तहत प्रिंसिपल के अधीन 15 से 20 स्कूल शामिल कर दिए गए हैं, जिससे प्रशासनिक नियंत्रण व संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, क्योंकि कई स्कूलों के बीच दूरी अत्यधिक है। उन्होंने कहा कि GBT, CHT, CST तथा खंड शिक्षा अधिकारियों की प्रशासनिक शक्तियां व पदोन्नति संबंधी अधिकार कम कर दिए गए हैं, जिससे वर्तमान में कार्यरत लगभग 20,000 शिक्षकों व सेवा निवृत्त 30,000 शिक्षकों में रोष है। प्रतिनिधिमंडल ने आगे बताया कि मिड-डे मील के तहत प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर को एकीकृत करने की योजना से लगभग 22,000 कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा पैदा हो गया है। साथ ही, अंडर-12 खेलकूद प्रतियोगिताएं बंद किए जाने पर अभिभावकों में भी भारी असंतोष है। संघ ने मांग की है कि कर्मचारी हितैषी सरकार 23 सितंबर 2025 की न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम संबंधी अधिसूचना को वापस ले तथा 13 फरवरी 2024 के प्रावधानों के अनुसार केवल रिसोर्स शेयरिंग को लागू किया जाए। प्राथमिक विद्यालयों की पूर्ववत प्रशासनिक शक्तियां व अधिकार क्षेत्र यथास्थिति बनाए रखने की मांग की गई। विधायक संजय रतन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इन सभी मुद्दों को माननीय मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से उठाएंगे तथा समाधान हेतु सकारात्मक पहल करेंगे। इस दौरान राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ कांगड़ा की ओर से करनैल राणा, शिक्षा खंड खुंडियां से अध्यक्ष भीम सिंह, महासचिव संजीव कुमार, विजय कुमार, देशराज, सुनील कुमार तथा शिक्षा खंड थुरल से अध्यक्ष महेंद्र जमवाल व मुख्य सलाहकार होशियार सिंह उपस्थित रहे।
बणी के शिव मंदिर में महादेव जन कल्याण ट्रस्ट गरली की 37वीं त्रैमासिक बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में निराश्रित महिलाओं को पेंशन और घरेलू सामान का वितरण नियमित रूप से किया गया। संस्था द्वारा हर तीन महीने के पहले रविवार को लगभग 45 निराश्रित महिलाओं को सहायता प्रदान की जाती है। समाजसेवा से जुड़े सदस्यों रिटायर्ड उपायुक्त मदन लाल शर्मा, हेमराज शर्मा, सेवानिवृत्त खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कुसुम वालिया, सरोज शर्मा, वरुण पटियाल, अमित वालिया, शालिनी राणा, चुहरू राम, संसार चंद, सुभाष चंद, संजीव और सेवानिवृत्त डीएफओ खट्टा ने निराश्रित महिलाओं और उनके बच्चों को दैनिक उपयोग की सामग्री, एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता और धाम का आयोजन भी किया। सदस्यों ने कहा कि इस नेक कार्य से जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी दानी सज्जनों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह सेवा कार्य हर बार सफलतापूर्वक सम्पन्न हो पाता है।
धर्मशाला से जारी प्रेस बयान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार और सेंट्रल यूनिवर्सिटी परियोजना में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तीन साल बीतने के बावजूद सरकार एयरपोर्ट विस्तार कार्य धरातल पर नहीं उतार पाई, जबकि सेंट्रल यूनिवर्सिटी के लिए 30 करोड़ रुपये भी जारी नहीं किए गए इनकी लेट लतीफी से न केवल हवाई अड्डा विस्तार में देरी हुई है बल्कि यही हाल सेंट्रल यूनिवर्सिटी का भी हुआ है जिसकी राह में ये सरकार ही रोड़ा बनी हुई है। जयराम ठाकुर ने दावा किया कि सरकार विकास कार्यों को लटकाने और जनता का ध्यान भटकाने में लगी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांगड़ा में विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू की लोकप्रियता की “हवा निकल गई”, क्योंकि जनता उनसे मिलने नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि भाजपा की जोरावर स्टेडियम में हुई आक्रोश रैली ने यह साबित किया कि जनता सरकार से नाराज़ है। ठाकुर के अनुसार, भाजपा शासनकाल में शुरू हुए बड़े प्रोजेक्ट्स कांग्रेस सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पर्यटन कॉन्क्लेव और इन्वेस्टर मीट से कांगड़ा को नई पहचान दिलाई, जबकि वर्तमान सरकार सिर्फ घोषणाओं तक सीमित है।
जिला कांगड़ा के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोटला में देर रात एक बड़ा हादसा पेश आया। यहां पठानकोट-मंडी फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी के मजदूरों के क्वार्टर में अचानक आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में एक 19 वर्षीय युवक की झुलसकर मौत हो गई, जबकि उसके 5 अन्य साथियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जिला नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
ज्वालामुखी के भाट्टी में हिमुडा कॉलोनी का भूमि पूजन किया गया। पूजन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी मौजूद रहे। राजेश धर्माणी ने कहा कि सतत विकास के लक्ष्य के साथ-साथ हिमाचल में सुनियोजित शहरीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। राजेश धर्माणी ने कहा कि भाट्टी में हिमुडा कॉलोनी में आधुनिक सुविधाओं से लैस 130 प्लॉट तैयार किए गए हैं। राजेश धर्माणी ने कहा कि हिमाचल में हिमुडा लोगों को किफायती और बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हरित पहल को ध्यान में रखते हुए परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि परियोजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन प्रणाली विकसित की जाएगी और प्रदेश में युवाओं की नवीन पहलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान करने पर भी विचार किया जाएगा। इससे प्रदेश में स्टार्ट-अप इको सिस्टम का भी विकास होगा। इस अवसर पर ज्वालामुखी के विधायक संजय रतन तथा देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। हिमुडा के चेयरमैन यशवंत चजटा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में SDM ज्वालामुखी संजीव कुमार, हिमुडा के BOD सदस्य राजेश बनियाल, CEO-cum-सचिव हिमुडा सुरेंद्र विशिष्ट, SE धर्मशाला एन. के. नेगी, अधिशासी अभियंता धर्मशाला हिमुडा ललित ठाकुर, प्रधान रीता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
शनिवार को बाबा कांशी राम महाविद्यालय में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। यह प्रतियोगिता 'रेड रिबन' इकाई द्वारा एड्स और ड्रग्स के विषयों पर डॉ. रामपाल के नेतृत्व में हुई। प्राचार्य जतिंदर ने इस प्रतियोगिता की अध्यक्षता की। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। डॉ. राम पाल ने विद्यार्थियों को नशे न करने और नशे के नुकसानों के बारे में बताया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आरुषि, द्वितीय स्थान मुस्कान, और तृतीय स्थान तानिया ने हासिल किया। इस कार्यक्रम में प्रो. खेमचंद और प्रो. पलक सिंह भी उपस्थित रहे।
देहरा के पूर्व विधायक व भाजपा वरिष्ठ नेता होशियार सिंह ने सरकार के कर्ज पर गंभीर सवाल उठाए हैं। होशियार सिंह ने कहा, कि हिमाचल बनने के बाद 14 सरकारों ने मिलकर 68,000 करोड़ का कर्ज लिया था, लेकिन वर्तमान सरकार ने सिर्फ ढाई साल में 40,000 करोड़ रुपये का कर्ज ले लिया है। सरकार को इसके लिए नोबेल पुरस्कार दिया जाना चाहिए। इस सरकार में सबसे ज्यादा परेशान सरकारी कर्मचारी हैं, जो अपने हक और सुविधाओं को लेकर लगातार आंदोलित हैं। होशियार ने कहा, कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद खुद को ‘व्यवस्था परिवर्तन’ का पैरोकार बताया, लेकिन तीन साल में प्रदेश को पतन की ओर धकेल दिया। यह देश की पहली सरकार है, जिसने चुनाव से पहले 10 गारंटियां दीं, लेकिन सत्ता में आते ही प्रदेश का खजाना खाली होने का बहाना बनाने लगी। होशियार ने कहा, "मुख्यमंत्री की सनातन विरोधी मानसिकता स्पष्ट रूप से उजागर होती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरकार बनते ही ये बयान दे चुके हैं कि वो हिमाचल प्रदेश जैसे 98 प्रतिशत हिंदू बहुल राज्य में सनातन को हराकर सत्ता में आए हैं। संजौली मस्जिद को तोड़ने के आदेश के बावजूद सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि, सुक्खू सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में केवल उनकी मित्र मंडली खुश है। बाकी आम जनता, कर्मचारी, मजदूर, बेरोजगार सब परेशान है। होशियार ने कहा, बेरोजगारों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है। 10 लाख से ज्यादा बेरोजगार पदों के विज्ञापित होने का इंतजार कर रहे हैं। मगर, व्यवस्था परिवर्तन वाली सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है।
जसवां-प्रागपुर के विधायक व पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने उनकी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते देश के प्रथम धरोहर गांव गरली परागपुर में फ़िल्म सिटी स्थापित की जाए इसके लिए केंद्र सरकार के आगे प्रस्ताव रखने की बात कही है। उन्होंने कहा गरली प्रागपुर हमारे इलाके के सबसे ऐतिहासिक गाँव हैं जिनका नाम विश्व पटल पर गूंजता है। इन दोनों गांव में नामी फ़िल्म स्टार फ़िल्म की शूटिंग कर चुके हैं ऐसे में यहां फ़िल्म सिटी बनने से समूचे क्षेत्र को फायदा होगा। बिक्रम ठाकुर ने बताया कि सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से भी इन धरोहर गाँवों को सुंदर और विकसित बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर प्रसिद्ध गरली-परागपुर की सुंदरता में चार चांद लगाना हम सभी की जिम्मेदारी है और वह जल्द ही इस प्रस्ताव को केंद्र सरकार के समक्ष रखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बुधवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं पर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज का कड़ा विरोध भी जताया। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला के जोरावर ग्राउंड में एबीवीपी कार्यकर्ता शांतिपूर्वक धरना दे रहे थे, उसी दौरान पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज शर्मा ‘सनी’ ने सोमवार को जारी प्रेस बयान में देहरा के पूर्व विधायक पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक हड़बड़ाहट में समाज को गुमराह करने वाली बयानबाज़ी कर रहे हैं और उनकी टिप्पणियों से प्रतीत होता है कि “हार का सदमा अब तक उनके दिमाग से नहीं गया है।” शर्मा ने कहा कि पूर्व विधायक मंत्री जगत नेगी पर टिप्पणी करने से पहले अपने घर में झांकें। “लोग उनके घर के बारे में भी जानते हैं, लेकिन कोई भी उनकी तरह राजनीति नहीं करता,”। उन्होंने पूर्व विधायक होशियार सिंह पर केंद्र सरकार के धन के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए। साथ ही सवाल उठाया कि आखिर किस आधार पर उन्हें सीआरपीएफ जवान उपलब्ध कराए गए हैं। शर्मा ने कहा, “क्या यह देश की सुरक्षाबलों के साथ मज़ाक नहीं? हिमाचल एक शांतिप्रिय राज्य है, जहाँ सत्ताधारी विधायकों को भी सिर्फ एक PSO मिलता है। ऐसे में एक पूर्व विधायक को अतिरिक्त फ़ोर्स मिलना समाज में गलत संदेश देता है।” शर्मा ने केंद्र सरकार के रवैये को “गलत और पक्षपाती” बताते हुए कहा कि होशियार सिंह को जनता को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें इतनी सुरक्षा क्यों प्रदान की गई है।
राजकीय उच्चतर विद्यालय जसूर में वार्षिक पुरस्कार वितरण तथा सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन समारोह मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल कुंद्रा ने की, जबकि समारोह में पूर्व रिटायर्ड प्रिंसिपल नरोत्तम कुमार धीमान बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मुख्य अतिथि ने स्कूल प्रांगण स्थित सरस्वती माता मंदिर में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रधानाचार्य अनिल कुंद्रा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृतिचिह्न प्रदान किया और वर्षभर की शैक्षणिक व सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम में स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित लघु नाटिका, पहाड़ी एवं पंजाबी नृत्य सहित कई मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। अभिभावकों और उपस्थित अतिथियों ने बच्चों के उत्साह और प्रतिभा की सराहना करते हुए जोरदार तालियाँ बजाईं। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि नरोत्तम कुमार धीमान ने कहा कि बच्चों की सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है तथा शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और जीवन मूल्यों का विकास भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, मेहनत और सही दिशा अपनाने का संदेश देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में एसएमसी प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि रवि नैयर, अंकुर शर्मा ‘अंकु’, विभिन्न स्कूलों के अध्यापक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे। मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया।
लॉरेट शिक्षण संस्थान ने बार एसोसिएशन देहरा के सहयोग से “नशामुक्त समाज – भारत का संकल्प” विषय पर एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर, हाई कोर्ट हिमाचल प्रदेश तथा विशेष अतिथि माननीय जस्टिस जिया लाल भारद्वाज, हाई कोर्ट हिमाचल प्रदेश रहे। लॉरेट संस्थान के प्रबंधक एवं निदेशक डॉ. रण सिंह और उदय रण सिंह, तथा प्राचार्य एवं निदेशक डॉ. एम. एस. आशावत ने मुख्य अतिथियों का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर बार एसोसिएशन देहरा के अध्यक्ष अभिषेक पादा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करना और समाज को नशामुक्त बनाने हेतु सामूहिक संकल्प लेना था। सेमिनार में माननीय जस्टिस विवेक सिंह ठाकुर ने नशे के बढ़ते प्रसार, इसके स्वास्थ्य एवं सामाजिक प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाए रखने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। सेमिनार में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में सभी प्रतिभागियों ने “नशामुक्त भारत का संकल्प” लेते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का वचन दिया। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच अपनाने, खेल-कूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया। कार्यक्रम के समापन पर प्रो. (डॉ.) विनय पंडित और डॉ. सी. पी. एस. वर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
बाबा कांशीराम राजकीय महाविद्यालय डाडा सीबा में वार्षिक खेलकूद समारोह बड़े उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता कार्यवाहक प्राचार्य ने की, जबकि पूरे कार्यक्रम का संचालन स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. रामपाल के निर्देशन में हुआ। खेलकूद गतिविधियों के तहत 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप, हाई जंप, डिस्कस थ्रो, गोला फेंक, जैवलिन थ्रो तथा रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस दौरान 100 मीटर बॉयज दौड़ में रिहान, आजाद और आयुष ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं गर्ल्स में मीनाक्षी, वंशिका और आरती प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं। 200 मीटर बॉयज दौड़ में रिहान, आयुष और हर्ष ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं गर्ल्स में आरती, वंशिका और पलक शर्मा ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर बॉयज दौड़ में रितेश, रिहान और तरुणदीप ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए। गर्ल्स में वंशिका, तनु और पलक ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान जीता। 800 मीटर बॉयज दौड़ में ऋतिक, आयुष और तरणदीप ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया, और वहीं गर्ल्स में मीनाक्षी, प्रीति और पायल शीर्ष तीन स्थानों पर रही। हाई जंप गर्ल्स में प्रीति, वंशिका और अनामिका ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। बॉयज हाई जम्प में आयुष, रितेश और हर्ष ठाकुर ने शीर्ष स्थान हासिल किए। लॉन्ग जंप बॉयज में रिहान, आयुष और रितेश ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। गर्ल्स में प्रीति, मीनाक्षी और तनु ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए। शॉट पुट (गोला फेंक) में अभिषेक, रेहान और रितेश ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान जीता। गर्ल्स में साक्षी, शीतल और आरुषि ने शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए। इस वर्ष पुरुष वर्ग में रिहान और महिला वर्ग में वंशिका को बेस्ट एथलीट चुना गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रो. देवेंद्र सिंह, खेमचंद, शीतल देवी, कार्यालय अधीक्षक अंबरीश, सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष अंजना सहित अन्य कर्मचारियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
पूर्व उद्योग मंत्री एवं जसवां–प्रागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं तथा देहरा भाजपा जिला के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वे 4 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाले भाजपा के ‘महाघेराव’ में अभूतपूर्व संख्या में पहुँचकर इसे ऐतिहासिक और निर्णायक बनाएं। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि यह महाघेराव कांग्रेस सरकार की विफलताओं, टूटे वादों, आर्थिक अव्यवस्था और जनता पर बढ़ाए जा रहे बोझ के खिलाफ हिमाचल की सामूहिक आवाज़ है। प्रदेश में हर वर्ग किसान, कर्मचारी, युवा, व्यापारी और महिला कांग्रेस सरकार की नीतियों से पीड़ित है। ऐसे में यह आंदोलन प्रदेश की जनता के सम्मान, अधिकार और भविष्य की लड़ाई है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि ऐसे हालात में भाजपा का यह महाघेराव सरकार को जगाने और जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का बड़ा अवसर है। उन्होंने जसवां–प्रागपुर और देहरा के सभी लोगों से निवेदन किया है कि 4 दिसंबर को धर्मशाला अवश्य पहुँचें। उन्होंने कहा कि यह रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिमाचल के हितों और हमारे भविष्य की रक्षा का संकल्प है। आप सभी परिवार सहित आएं और इस ऐतिहासिक जन-आंदोलन में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जब जनता एकजुट होकर उठती है, तब सरकारें बदलने पर मजबूर हो जाती हैं। 4 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाला यह महाघेराव उसी परिवर्तन की शुरुआत है।
हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र में “जनता की गैर मौजूदगी” सरकार की असफलता पर सबसे बड़ा मुहरनामा है। उन्होंने कहा कि जनता सरकार को अपना नहीं मान रही, यही कारण है कि इस बार तपोवन सत्र में फरियादी पहुंच ही नहीं रहे हैं। अब प्रदेश का हर पीड़ित वर्ग, पूर्व पेंशनर्ज सरकार व विधानसभा में घेराव करने के लिए पहुंच रहे हैं। विश्व चक्षु ने कहा कि जब सरकार जनता की समस्याओं से मुंह मोड़ ले, अधिकारियों की मनमानी चरम पर हो और भ्रष्टाचार नई ऊंचाइयों को छूने लगे, तब जनता का सरकार से मोह भंग होना स्वाभाविक है। आज हालात यह हैं कि लोग अपनी पीड़ा लेकर सदन तक आने को भी तैयार नहीं, क्योंकि उन्हें पता है कि इस सरकार में सुनवाई नहीं होने वाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की प्राथमिकता सिर्फ़ राजनीतिक बयानबाज़ी और फोटोग्राफी रह गई है, जबकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था, सड़कें, कर्मचारियों के मुद्दे, बेरोज़गारी और विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इसके खिलाफ प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाएगी और जनता की आवाज़ को बुलंद करेगी।
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘एक भारत – आत्मनिर्भर भारत: यूनिटी मार्च’ में हिमाचल प्रदेश से 21 युवा डेलीगेट्स शामिल हुए है। मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुशील कदशोली के नेतृत्व में हिमाचल का युवा दिल्ली से गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक 8 दिवसीय राष्ट्रीय एकता यात्रा में भाग ले रहा है। इस दौरान हिमाचल के 21 प्रतिनिधि पूरे देश के युवाओं के साथ दिल्ली से गुजरात तक विशेष एकता यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान लगभग 152 किलोमीटर की पैदल यात्रा एवं व्यापक जनसंपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। प्रदेश के हर जिले से 2 युवा मोर्चा पदाधिकारी जिसमें सुशील कदशोली प्रदेश महामंत्री एवं ज्वालामुखी से सम्बन्ध रखने वाले दो युवा नेता अजय राणा प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक एवं अजय राणा मंडल खुंडियां के अध्यक्ष एवं अन्य जिलों से आए युवा नेता शामिल हुए। इस राष्ट्रीय अभियान में हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों से युवा मोर्चा के जिला पदाधिकारी एवं सक्रिय युवा भाग ले रहे हैं, जिससे पूरे प्रदेश का व्यापक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हुआ है। युवाओं ने इस अवसर को अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताया। प्रतिनिधियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की विचारधारा विविधता में एकता को देश-भर में पहुँचाना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। मोर्चा प्रदेश महामंत्री सुशील कदशोली ने कहा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक की यह ऐतिहासिक यात्रा केवल एक मार्च नहीं, बल्कि राष्ट्र की शक्ति, एकता और सांस्कृतिक विविधता का जीवंत प्रतीक है। हिमाचल का युवा दल एकता, आत्मनिर्भरता और सेवा की भावना लेकर आगे बढ़ रहा है।
हिमाचल की 14वीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज धर्मशाला के तपोवन में शुरू हो गया है। 5 दिसंबर तक चलने वाले सत्र के दौरान कई मुद्दों पर तपोवन में चर्चा होगी। इस सत्र में कुल आठ बैठकें होंगी। पहले दिन सदन में प्रश्नकाल में गतिरोध पैदा कर विपक्ष ने पंचायतों के चुनाव में देरी करने पर सारा काम रोककर स्थगन प्रस्ताव लाया। इस पर हंगामा होने की आशंका थी पर सरकार ने चर्चा के लिए हामी भर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान की सबसे बड़ी रक्षक कांग्रेस पार्टी है, महिलाओं के लिए पंचायती राज संस्थाओं में कांग्रेस ने आरक्षण का प्रावधान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यूं तो यह मामला अर्धन्यायिक रहा है। लेकिन इसके बावजूद विपक्ष ने आज संविधान दिवस होने की बात की है तो सरकार ने इसे मंजूर किया है। उन्होंने कहा कि कानून का यदि सही मायने में कोई संरक्षक है तो वह कांग्रेस पार्टी ही है। जो भी इस संबंध में कार्य हो रहा है वह कानून की परिधि में ही हो रहा है। कानून की परिभाषा को स्पष्ट करने का अधिकार न्यायालय के पास है और मामला कोर्ट में है। इससे पूर्व भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव लाते हुए कहा कि सरकार सांविधानिक संस्थाओं का सम्मान करे। पंचायत चुनाव समय पर होने चाहिए। आज विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन में संविधान की प्रस्तावना भी सभी से पढ़वाई। चर्चा में भाग लेते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि 1975 में आपातकाल लगाकर भी इसी तरह से चुनाव टाले गए थे। जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा प्रबंधन एक्ट लगाकर इसकी आड़ में चुनाव टाले जा रहे हैं। कोविड जैसा संकट होने के बावजूद भाजपा सरकार ने चुनाव करवाए। यह बहुत बड़ा संकट था। उससे बड़ा संकट आज की तिथि में नहीं है। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने भाजपा विधायक रणधीर शर्मा की ओर से स्थगन प्रस्ताव लाने के बाद सीएम को सदन की अगली कार्यसूची के बारे में अवगत करवाने की बात की। इस पर जयराम ठाकुर ने विरोध किया। इस पर स्पीकर ने नियम 72 का हवाला देते हुए कहा कि ऐसा किया जा सकता है। इसके बाद सीएम ने कार्यसूची पढ़ी। सदन के पटल पर राष्ट्रपति और राज्यपाल से मंजूर विधेयक भी रखे गए। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मंडी में सरकार के तीन साल पूरा होने पर जश्न नहीं, विजन बताएंगे।
धर्मशाला के तपोवन में प्रदेश की 14वीं विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के दौरान कई मुद्दों पर चर्चा होगी। इस सत्र में कुल आठ बैठकें होंगी। यह पहला शीतकालीन सत्र है जो आठ दिन तक चलेगा, जबकि पहले यह सात दिन का होता था। राष्ट्रगान के साथ ठीक 11:00 बजे शीत सत्र शुरू हुआ। संविधान दिवस पर विधानसभा में संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई । स्पीकर ने सभी को प्रस्तावना की प्रति उपलब्ध करवाई। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पूर्व विधायक स्व. बाबू राम गौतम के प्रति सदन में शोकोद्गार प्रस्ताव पेश किया । जयराम और अन्य विधायकों ने इस प्रस्ताव पर अपना वक्तव्य दिया। पठानिया ने कहा कि विधानसभा परिसर के अंदर विस सदस्यों को ही प्रेसवार्ता करने का अधिकार होगा। इसके अलावा अन्य कोई भी व्यक्ति विधानसभा परिसर में प्रेसवार्ता नहीं कर सकेगा। परिसर के बाहर कोई भी व्यक्ति प्रेस वार्ता कर सकता है। 28 नवंबर और 4 दिसंबर को गैर सरकारी कार्यों के लिए दिन निर्धारित हैं। सत्र में विधायक 744 प्रश्न पूछेंगे, जिनमें 604 तारांकित और 140 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। सत्र के दौरान नियम 62 के तहत 11 सूचनाएं, नियम 63 के तहत 4, नियम 101 में 7, नियम 130 में 16 और नियम 324 में एक सूचना सदस्यों से प्राप्त हुई है। पहले दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा विधायकों के साथ सदन में शिष्टाचार भेंट कर सत्र के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सत्र की शुरुआत में स्पीकर कुलदीप पठानिया ने सदन के नेता, नेता प्रतिपक्ष और सभी सदस्यों का सदन में स्वागत किया धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में पहुंचने पर डिप्टी चीफ व्हिप केवल सिंह पठानिया और अन्य विधायकों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह का स्वागत किया। मुख्यमंत्री व स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया की भी भेंट हुई। प्राप्त प्रश्नों और सूचनाओं में आपदा प्रबंधन, बाढ़, स्कूलों का विलय, हाल ही में हुई भारी बारिश व प्राकृतिक आपदा से नुकसान, सरकार के आपदा रोकथाम के प्रयास, सड़क और पुल निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर, स्कूलों-कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन, रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल आपूर्ति, नशे की रोकथाम, आपराधिक मामलों और परिवहन व्यवस्था शामिल है। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सत्र सही तरीके से चले, इसके लिए उन्होंने बुधवार को दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई है।
पीएम श्री राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गंगथ में आज वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विधायक मलेन्द्र राजन बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान किया गया तथा विकास कार्यों की महत्वपूर्ण घोषणाएँ भी की गईं। विधायक मलेन्द्र राजन ने बताया कि विद्यालय में परीक्षा भवन, तीन कक्षाएँ, एक कार्यालय और दो शौचालयों के निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है, जिसे शीघ्र स्वीकृत कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगथ–घेटा सड़क लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है और जल्द ही इसे जनता को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि गंगथ छिंज कमेटी स्टेडियम के लिए 79 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि विद्यालय के खेल मैदान हेतु 5 लाख रुपये की राशि प्राप्त कर ली गई है। साथ ही विद्यालय में एनसीसी बी विंग यूनिट की शुरुआत भी आज से कर दी गई। मलेन्द्र राजन ने कहा कि विद्यार्थियों के हित में 16 प्रकार की छात्रवृत्ति योजनाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने पिछले वर्ष की गई घोषणा को दोहराते हुए बताया कि टॉप 10 मेरिट में आने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि उनकी ओर से दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय के 8 विद्यार्थी हवाई यात्रा के माध्यम से शैक्षिक भ्रमण पर गए हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि शिक्षा विभाग की 16 कनाल भूमि पर नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने के लिए सरकार से शीघ्र वार्ता की जाएगी।कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य विनय महाजन ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता सुभाष सेठी, प्रधान गंगथ सुरेन्द्र भल्ला, ब्राह्मण कल्याण बोर्ड सदस्य सुरेन्द्र शर्मा, जिला शिकायत निवारण समिति सदस्य अस्लम खान एवं नरेश शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता राकेश शर्मा, राजीव चौधरी, अजय कुमार, हरबंस धीमान, अश्वनी चौधरी, एसएमसी प्रधान भवानी दत्त सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, बीडीओ सुदर्शन सिंह, एसडीओ लोक निर्माण हरीश ठाकुर, एसडीओ विद्युत विभाग वीरेन्द्र और एसडीओ जल शक्ति राजिंदर सनोरिया भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
विधायक मलेंद्र राजन सोमवार को आपका विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत गंगथ पंचायत घर पहुंचे। जहां विधायक मलेंद्र राजन ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास संबंधी मांगों तथा विभागीय मामलों से जुड़ी शिकायतों को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने सभी शिकायतों एवं मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को मौके पर ही समाधान हेतु निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनता तक सीधे पहुंचकर उनकी समस्याओं का निवारण करना है, और इसी उद्देश्य से आपका विधायक आपके द्वार अभियान को निरंतर रूप से चलाया जा रहा है। इस अवसर पर अपने संबोधन में मलेन्द्र राजन ने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उन्हें क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की हर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा और सभी विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान विधायक मलेन्द्र राजन ने गंगथ पंचायत में लगभग 11.75 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया।। कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रधान सुरेन्द्र भल्ला, वार्ड सदस्य राजीव चौधरी, अजय कुमार ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के सदस्य सुरेन्द्र शर्मा, कांग्रेस कार्यकर्ता नरेश शर्मा, अस्लम खान, राकेश शर्मा, सुभाष सेठी, साहिल सेठी, हरबंस धीमान, महिला मंडल प्रधान रशीदा बेगम, बीडीओ सुदर्शन सिंह, नायब तहसीलदार प्रवेश शर्मा, एसडीओ जल शक्ति राजिंदर सनोरिया, एसडीओ लोक निर्माण हरीश ठाकुर, एसडीओ बिजली विभाग वीरेन्द्र, बीएमओ नूरपुर दिलबर सिंह, कानूनगो सुभाष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धर्मशाला स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश में 21–23 नवंबर 2025 के बीच आयोजित 16वीं ITHC अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के समापन समारोह की अध्यक्षता प्रो. डॉ. सत प्रकाश बंसल ने की। सम्मेलन का विषय “सतत पर्यटन और कल्याण: हरित भविष्य का मार्ग” रहा। अपने संबोधन में प्रो. बंसल ने 21वीं सदी में भारत के तेज़ उभार पर प्रकाश डाला और बताया कि हाल के G20 शिखर सम्मेलन तथा जोहान्सबर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत ने विश्व मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि भारत की यह सफलता हमारी भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित है, जो आज विश्व को नेतृत्व दे रही है। सम्मेलन में कई विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण विचार रखे। यूनाइटेड किंगडम की सुंडरलैंड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर ब्रेमपोटन ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम व्यक्तिगत और संस्थागत स्तर पर सतत पर्यटन को व्यवहार में उतारें। इसी प्रकार, हरियाणा स्किल यूनिवर्सिटी के प्रो. दिनेश कुमार ने पर्यटन और आतिथ्य उद्योग में वैश्विक स्तर पर अपनाई जा रही अच्छी प्रथाओं को भारत में लागू करने का आह्वान किया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रो. काबिया ने चेतावनी दी कि अनियंत्रित भीड़भाड़ और अत्यधिक पर्यटन हमारे प्राकृतिक संसाधनों और सांस्कृतिक पहचान को नुकसान पहुँचा रहा है चाहे वह तटीय मैंग्रोव हों या हिमालय की ऊँची पर्वत श्रृंखलाएँ। उन्होंने जिम्मेदार और पुनर्जीवित करने वाले (regenerative) पर्यटन को अपनाने पर बल दिया, ताकि “स्वर्ण हंस” जैसी हमारी अमूल्य विरासत सुरक्षित रह सके। सम्मेलन में पूर्व शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा की उपस्थिति विशेष आकर्षण रही। उन्होंने हिमालयी क्षेत्र की नाज़ुकता को ध्यान में रखते हुए कहा कि पहाड़ों ने सदियों तक पारंपरिक ज्ञान के आधार पर संतुलन बनाए रखा। आधुनिक विकास मॉडल की “कट-कॉपी-पेस्ट” पद्धति ने इस संतुलन को तोड़ा है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि हमें फिर से अपनी परंपरागत ज्ञान प्रणाली की ओर लौटना होगा, तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित वातावरण मिल पाएगा। सम्मेलन का एक अनूठा और महत्वपूर्ण हिस्सा रहा बोह वैली में ऑफ-ट्रैक अकादमिक सत्र और खब्रू जलप्रपात तक ट्रेक आधारित सत्र, जिसका नेतृत्व प्रो. बंसल, डॉ. सुनीता बंसल और प्रो. दिनेश कुमार ने किया। इसमें विश्वविद्यालय के छात्र, शोधार्थी और प्रोफेसर भी शामिल रहे। अगले दिन प्रतिभागी धर्मशाला लौटे और हावर्ड यूनिवर्सिटी, वॉशिंगटन डी.सी. के साथ एक विशेष हाइब्रिड सत्र आयोजित हुआ, जिसमें केंद्रीय विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. नरेंद्र संख्यान, प्रो. कुलश्रेष्ठ, प्रो. लवकुश मिश्रा, प्रो. सुमन शर्मा, प्रो. नाग, प्रो. काबिया सहित कई विद्वान उपस्थित रहे।
प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने सुक्खू सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर पूरा सिस्टम तैयार है। इलेक्शन कमिशन अपनी ओर से पूरी तैयारी कर चुका है, विभागीय मंत्री व अधिकारी चुनाव प्रक्रिया शुरू करने की हरी झंडी दे चुके हैं, और प्रशासनिक स्तर पर भी कोई तकनीकी अड़चन नहीं बची है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू चुनाव टालने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। विश्व चक्षु ने कहा कि जनता के बीच कांग्रेस सरकार के प्रति असंतोष इतना बढ़ चुका है कि सत्ताधारी पार्टी चुनाव का सामना करने से घबरा रही है। उन्होंने सवाल उठाया जब इलेक्शन कमीशन तैयार है, विभाग तैयार हैं, अधिकारी तैयार हैं तो आखिर सुक्खू सरकार किस डर से चुनाव लटकाने पर उतारू है? कौन-सी राजनीतिक सौगात या कौन-सा छुपा एजेंडा है जिसके लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया रोकी जा रही है? विश्व चक्षु ने आरोप लगाया कि सरकार का दबाव इतना बढ़ गया है कि कुछ जिलाधीश भी अब राजनीतिक भाषा बोलने लगे हैं। यह स्थिति प्रशासनिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला है और लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है। उन्होंने कहा कि चुनाव रोककर कांग्रेस जनता के गुस्से को शांत नहीं कर सकती। उल्टा देरी और दबाव की राजनीति जनता को और अधिक आक्रोशित कर रही है।
पीएम श्री बाबा कांशीराम राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडा सीबा में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन समारोह रविवार को आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य पवन शर्मा ने शिरकत की। विद्यालय में पहुँचने पर विद्यार्थियों और स्टाफ द्वारा मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में पवन शर्मा ने कहा कि “शिक्षा अनमोल है; शिक्षा के बिना विद्यार्थी का जीवन अधूरा है। विद्यार्थी के जीवन में शिक्षा ही वह हथियार है, जिससे वह उन्नति की मंज़िलें तय कर सकता है।” विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि समापन समारोह में बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एनएसएस शिविर के प्रभारी अश्वनी सपेहिया ने बताया कि शिविर में कुल 55 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सात दिनों के दौरान प्रतिभागियों ने राधा-कृष्ण मंदिर, मुख्य बाजार, तालाब और मार्गों की सफाई अभियान चलाया, सिविल अस्पताल में स्वच्छता कार्य किए तथा विद्यालय परिसर को सुंदर बनाकर प्रस्तुत किया। इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी अश्वनी सपेहिया, पी.ओ. मैडम देवना कुमारी, एसएमसी प्रधान अजय कुमार, समिति सदस्य तथा विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
विकास खंड प्रागपुर क्षेत्र के दुकानदारों के लिए बड़ी खबर है। खंड विकास अधिकारी प्रागपुर अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए कहा है कि सरकार ने तंबाकू उत्पादों की खुली बिक्री पर सख्त प्रतिबंध लागू कर दिया है। उन्होंने बताया कि अब कोई भी दुकानदार तंबाकू से संबंधित उत्पाद तभी बेच सकेगा, जब उसके पास मान्य तंबाकू उत्पाद विक्रेता लाइसेंस होगा। अशोक कुमार ने क्षेत्र के सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे तंबाकू उत्पादों की बिक्री शुरू करने से पहले अपना लाइसेंस अवश्य सुनिश्चित करें। इसके लिए दुकानदारों को संबंधित पंचायत सचिव के समक्ष ₹500 शुल्क के साथ शपथ पत्र 29 नवंबर तक जमा करवाना होगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अंतिम तिथि के बाद यदि कोई दुकानदार बिना लाइसेंस तंबाकू उत्पाद बेचते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और नियमों के अनुरूप दंड भी लगाया जाएगा। प्रशासन ने दुकानदारों से नियमों का पालन करने और अवैध बिक्री से बचने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में अनुशासन और स्वास्थ्य संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित हो सकें।
डाडासीबा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। यहाँ पंजाब नेशनल बैंक के समीप तलवाड़ा रोड़ पर श्री छिन्नमस्तिका ग्रुप ऑफ आई केयर सेंटर्स ने अपनी तीसरी शाखा का विधिवत शुभारंभ किया। इस उद्घाटन समारोह में सेवानिवृत्त अध्यापक देवदत्त लठ और टी.आर. डोगरा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्य अतिथियों ने रिबन काटकर सेंटर का औपचारिक उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि अक्सर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आँखों के बेहतर इलाज के लिए दूर जाना पड़ता था लेकिन अब यह सुविधा उनके घर के नजदीक ही उपलब्ध होगी। सेंटर अत्याधुनिक मशीनों से सुसज्जित है जिसमें आँखों की कंप्यूटराइज्ड जांच और चश्मा बनाने के लिए आधुनिक ऑटोएजर मशीन की सुविधा भी शामिल है। शुभारंभ के विशेष अवसर पर सेंटर में शुक्रवार और शनिवार विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। इन दो दिनों के दौरान स्वामी पिंडी दास चैरिटेबल अस्पताल अम्ब के वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ (सीनियर ऑप्थल्मिक ऑफिसर) द्वारा मरीजों की आँखों की नि:शुल्क जांच की जा रही है। साथ ही शुभारंभ के मौके पर विशेष छूट के तहत ब्रांडेड व नॉन-ब्रांडेड फ्रेम, गॉगल्स व चश्मे उचित दरों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। डॉ मोहित ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अपनी आँखों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहें और सेंटर में मौजूद सुविधाओं का लाभ उठाएं। इस मौके पर स्वामी पिंडी दास चैरिटेबल आई अस्पताल एवं ट्रस्ट के चेयरमैन बिन्दु सार सूद तथा ट्रस्ट के अन्य सदस्यों ने भी विशेष रूप से शिरकत की।
उपमंडल ज्वालामुखी के तहत गांव महाड़ के रहने वाले बलकार सिंह पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिवार के सदस्यों ने पुलिस चौकी लगडू में बलकार सिंह के लापता होने की सूचना दर्ज करवाई थी जिसके चलते पुलिस चौकी लगडू व पुलिस थाना खुंडियां की टीम ने पिछले दो दिन से सर्च अभियान चलाया हुआ था जिसमें पुलिस टीम ने लापता बलकार सिंह को ढूंढने के लिए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया था। उक्त व्यक्ति का शव नाहली नामक स्थान पर पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उक्त व्यक्ति के शव को कब्जे में लिया तथा वहां मौजूद लोगों के बयान कलमबद्ध किए। उपमंडलीय पुलिस अधिकारी ज्वालामुखी आरती जसवाल ने बताया कि यशपाल उर्फ बलकार सिंह 18 नवंबर से घर से लापता था इसकी आयु 45 साल थी। इसकी सूचना पुलिस चौकी लगडू को दी गई थी साथ में पुलिस थाना खुंडियां की टीम ने सहयोग किया तथा वीरवार 20 नवंबर को सुबह लगभग साढ़े दस बजे उक्त व्यक्ति का शव घर से लगभग तीन किलोमीटर दूर मृत अवस्था में मिला है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा भेज दिया गया है तथा आगामी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
बुधवार को राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज, नूरपुर के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित भारतीय ज्ञान प्रणालियों पर राष्ट्रीय संगोष्ठी श्रृंखला में, मुख्य वक्ता, अमित शर्मा (भारतीय वन सेवा अधिकारी) ने "जैव विविधता और भारतीय ज्ञान प्रणाली" पर एक व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में कुल 85 छात्रों ने भाग लिया। डॉ. राकेश कुमार, सह आचार्य वनस्पति विज्ञान व समन्वयक आई. क्यू.ए.सी. ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। मुख्य वक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य विविध परिदृश्य से संपन्न है जो वनस्पतियों और जीवों की समृद्ध विविधता का समर्थन करता है। उन्होंने भारत में वन संसाधनों का एक महत्वपूर्ण विश्लेषण प्रदान किया। उन्होंने नूरपुर उपखंड पर विशेष जोर देते हुए हिमाचल प्रदेश में वन विविधता के बारे में बात की और प्रतिभागियों को इसे संरक्षित करने के लिए प्रोत्साहित किया। कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार ठाकुर ने जैव विविधता की मानव संपदा के लिए सेवाओं पर प्रकाश डाला और छात्रों को प्रेरित करने के लिए वक्ता का धन्यवाद किया। साथ ही, इस वनस्पति और जीव-जंतु विविधता के संरक्षण और संवर्धन हेतु, नूरपुर क्षेत्र की स्थानीय पादप प्रजातियों और वन विभाग द्वारा सर्वेक्षण के दौरान पहचाने गए पक्षियों के विवरण वाले ब्रोशर छात्रों को प्रदान किए गए, जिसका उद्देश्य इन प्रजातियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और पारिस्थितिकी तंत्र सेवाएँ प्रदान करने में उनके महत्व को बढ़ाना है। इस अवसर पर प्राणी विज्ञान के सह आचार्य डॉ. दिलजीत सिंह, भूगोल के सहायक आचार्य डॉ. सत्य प्रकाश, अर्थशास्त्र की सहायक आचार्या सुश्री पर्ल बख्शी और रसायन विज्ञान के सहायक आचार्य डॉ. मनोज कुमार उपस्थित थे।


















































