आफत की बरसात से परेशान, डाडासीबा के दुकानदारों का ये अनोखा विरोध का शीर्षक देकर फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया में 28 जून को खबर प्रकाशित हुई थी उसका संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजन कुमार अपने कर्मचारियों सहित मौका पर पहुंचे। दुकानदारों से पानी निकासी के लिए बात की गई परंतु मौके पर दुकानदारों की पानी की निकासी के लिए सहमति न बनने पर इस समस्या का हल नहीं हो पाया। एक तरफ विभाग समस्या हल करने के लिए पहुंचा है, लेकिन स्थानीय दुकानदार कोई भी पानी निकासी के लिए जगह नहीं दे रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडा सीबा का बारिश का पानी इक_ा होकर इस सड़क पर इक_ा हो जाता है उन्होंने मांग की है कि स्कूल का जो पानी है उसे खडड की ओर भेजा जाए इस मौके पर डाडा सीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा, डाडा सीबा पंचायत के उप प्रधान परमेश्वरी दास ,पूर्व प्रधान सूरम सिंह व कई दुकानदार इस मौके पर उपस्थित रहे। उधर, इस संबंध में डाडासीबा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजन कुमार ने बताया विभाग मौके पर पानी की समस्या का हल निकालने पहुंचा है लेकिन यहां कोई भी पानी निकासी के लिए जगह नहीं दे रहा उन्होंने बताया सभी दुकानदारों ने अपने दुकानों के लेंटर का पानी सड़क की ओर छोड़ा है और उन्हें विभाग की तरफ से नोटिस दिए जा रहे हैं। डाडासीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा ने बताया विभाग ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया दुकानदारों से बात हुई है उन्होंने आश्वासन दिया है जैसा दुकानदार कहेंगे हल किया जाएगा। इस संबंध में डाडा स्कूल के प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने बताया आपके माध्यम से जानकारी मिली है अगर स्कूल के बारिश के पानी से समस्या आ रही है इस समस्या का हल करने का प्रयास किया जाएगा। यह है मामला डाडा सीबा बाजार के दुकानदार अपनी दुकानों के आगे बारिश का पानी इक्कठा होने से खासे परेशान हैं पानी निकासी न होने से सड़क मे पानी इकठा होने से चिंतित हैं। दुकानों के आगे पानी इक्कठा होने की वजह से उन्हें आवजाही करने के लिए उक्त पानी के बीच में ईंटो का सहारा लेकर दूकान में जाना पड़ता है। आपको बता दें डाडा सीबा से तलबाडा़ जाने वाली सड़क के करीब यह दुकाने हैं जहां पानी की ढंग से निकासी न होने की वजह से दुकानदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं । दुकानों के साथ एसबीआई का एटीएम है और पंजाब नेशनल बैंक के सामने गंदा पानी इक_ा होने से रुपए निकालने आने वाले उपभोक्ताओं को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है उन्होंने इस समस्या का हल निकालने की गुहार लगाई है।
केंद्रीय विद्यालय नलेटी की छात्रा यशिका का इसरो के युविका कार्यक्रम में चयन हुआ था। उस कार्यक्रम के तहत 14 मई से 26 मई तक ट्रेनिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया था, जिसमें चंद्रयान, मंगलयान, अंतरिक्ष भौतिकी, बेसिक स्काई ऑब्जर्वेशन, फिजिक्स बिहाइंड रॉकेट, तारा व तारामंडल संरचना आदि विषयों पर गहन चर्चा के साथ प्रयोगात्मक जानकारी दी गई। अतिरिक्त अन्य पाठ्यसहगामी गतिविधियों जैसे भारत के विभिन्न प्रांतों के नृत्य, गीत- संगीत, कला आदि के भी सेशन आयोजित हुए। इस कार्यक्रम के तहत यशिका के 25 लेक्चर सेशन हुए। इस कार्यक्रम में देश भर के 350 बच्चों ने भाग लिया था। यशिका ने प्रार्थना सभा में भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान, इसरो, देहरादून में बिताए गए दिनों और प्राप्त अनुभव को साझा किया। यशिका ने कहा कि यह कार्यशाला मेरे लिए अविस्मरणीय रहेगी। साथ ही बताया कि मैं भी भविष्य में इसरो की वैज्ञानिक बनना चाहती हूं। विद्यालय प्राचार्य ने अपने अपने संबोधन में कहा कि ये केन्द्रीय विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्रा यशिका ने केन्द्रीय विद्यालय नलेटी का मान बढ़ाया है। सभी बच्चे इससे सीख ले और भविष्य में आयोजित होने वाली प्रत्येक प्रतियोगिता में अवश्य भाग लें।
खंड विकास कार्यालय लंबागांव में आज स्वयं सहायता समूह की बैठक हुई, जिसमें बतौर मुख्य अथिति जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा ने शिरकत की। विधायक का खंड विकास कर्यालय लंबागांव में पहुंचने पर बीडीओ सिकंदर सिंह और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जोरदार स्वागत किया गया तथा टोपी और शॉल से सम्मानित किया। विधायक गोमा ने स्वयं सहायता समूह की 210 लाभार्थियों को एग्री न्यूट्री किट्स वितरित कीं। इस अवसर पर बीडीओ सिकंदर सिंह, पूर्व प्रधान टिक्करी, लंबागांव के पूर्व बीडीसी सदस्य रंजीत कुमार के साथ अन्य वरिष्ठ लोग व महिलाएं मौजूद रहीं।
उपमंडल देहरा के तहत कई क्षेत्रों में बेसहारा गौवंश राहगीरों और किसानों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। गत कुछ महीने पहले ही में चलाली गांव की बुजुर्ग महिला की गौवंश के हमले से जान चली गई थी। इसके साथ ही एक बार फिर लोग बेसहारा गोवंश से निजात पाने को लेकर आवाज उठाने लगे हैं। शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ता बेसहारा गोवंश परेशानी का सबब बनता जा रहा है। डाडा सीबा से ढलियारा मार्ग,नंगल चौक बढ़लठोर, चनौर बीहण इत्यादि क्षेत्रों के आसपास कई बार झुंड के झुंड सड़कों के किनारे और बीचोंबीच खड़े रहते हैं। देहरा उपमंडल की कई जगह सड़कों पर बेसहारा गौवंश देखने को मिल जाएंगे, जो कि सड़क किनारे से गुजरने वाले राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने रहते हैं। ज्यादातर बेसहारा पशु शाम और रात को सड़क के बीचो-बीच ही बैठे रहते हैं जिससे बाहन चालको को परेशानी का सामना करना पड़ता है और हादसा होने का अंदेशा रहता है। आलम यह है कि शहर से लेकर गांव तक के लोग इससे परेशान हैं। राहगीरों का जहां सड़कों पर चलना दूभर है वहीं, कई इलाकों में बेसहारा गौवंश से फसलों को बचाने के लिए रातभर जागकर पहरा देना पड़ता है। कुछ लोगों ने कंटीले तारों से फेंसिंग कर रखी है, लेकिन ऐसे किसानों की संख्या काफी कम है। बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए बेशक सरकार ने योजनाएं बनाईं या कार्य किये लेकिन वे नाकाफी साबित हैं। अभी भी सैकड़ों की तादाद में बेसहारा पशु खुलेआम घूम रहे हैं। कई जगह सड़कों पर इनके झुंड के झुंड दिखाई देते हैं। सरकार को चाहिए कि सड़क पर बेसहारा गोवंश के संरक्षण हेतु उचित कदम उठाए जाएं, ताकि कोई भी गोवंश निराश्रित या बेसहारा न रहने पाए। क्या कहते हैं अधिकारी डाडासीबा के तहसीलदार बीरबल ने कहा कि संबंधित पंचायत और पशुपालन विभाग इसके बारे में उचित कार्रवाई करें। जिन पशुओं को टैग लगे हैं, पशु पालन विभाग इसकी जांच करें और इनके मालिकों का पता लगाएं। तदोपरांत इस बारे में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।
* डॉ राजीव बिंदल की नई टीम से जल्द उठ सकता है पर्दा * जिला और ब्लॉक स्तर पर भी चरणबद्ध तरीके से बदलाव तय हिमाचल में लगातार चुनाव हार रही भाजपा अब प्रदेश संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी में है। डॉ राजीव बिंदल के तौर पर नए प्रदेश अध्यक्ष की तैनाती पहले ही हो चुकी है और अब संगठन की सर्जरी की तयारी है। बताया जा रहा है पूरी कार्यकारिणी बदलने की तैयारी है और नए प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने संभावित कार्यकारिणी की लिस्ट तैयार कर मंजूरी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज भी दी है। नड्डा की सहमति मिलते ही कई बड़े चेहरों की छुट्टी हो सकती है और हाशिए पर चल रहे कई निष्ठावानों को तवज्जो मिलेगी। निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखया जायेगा। ऐसे कई पदाधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है जिनके क्षेत्र में बीते विधानसभा चुनाव में खुलकर बगावत हुई हैं और पार्टी का ग्राफ गिरा है। हालांकि मौजूदा कार्यकारिणी के कुछ पदाधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है। माना जा रहा है कि ये बदलाव सिर्फ राज कार्यकारिणी तक सिमित नहीं रहेगा। पार्टी संगठन में टॉप टू बॉटम बदलाव कर सकती है। राज्य कार्यकारिणी में आवश्यक बदलाव के बाद जिला और ब्लाक कि कार्यकारिणी में भी बदलाव होगा। अन्य मोर्चों में भी जरूरी बदलाव की तैयारी है। वहीँ विधानसभा चुनाव में बगावत का बिगुल फूंकने वाले नेताओं कि घरवापसी को लेकर अभी संभवतः पार्टी कोई निर्णय न ले लेकिन आवश्यकता पड़ने पर इस पर भी विचार हो सकता है। दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक दल, यानी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा का डंका आज पुरे सियासी जगत में बजता है। पर उनके अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में नड्डा की चमक लगातार फीकी पड़ी है। अपने ही राज्य में नड्डा अपनी पार्टी को हारते हुए देख रहे है, निश्चित तौर पर ये बात उन्हें खलती तो होगी। जाहिर है नड्डा सियासत के माहिर खिलाड़ी है और अब कोई चांस लेने के मूड में नहीं होंगे। लाजमी है 2024 के लिए नड्डा अब नरम नहीं बल्कि गरम रुख अपनाये। ऐसे में संगठन में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है। क्या नए चेहरों पर दांव खेलगी भाजपा ? 2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा एक्शन मोड में है। 2014 और 2019 में भाजपा ने प्रदेश में क्लीन स्वीप किया है और अब पार्टी इस प्रदर्शन को दोहराना चाहती है। मंडी लोकसभा उपचुनाव में हार के बाद पार्टी के तीन सांसद है और माहिर मान रहे है कि पार्टी सीटिंग सांसदों के टिकट काटने या बदलने से भी गुरेज नहीं करेगी। ग्राउंड फीडबैक के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जायेगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के अलावा अन्य डॉ सांसदों को टिकट मिलेगा या नहीं, ये कहना मुश्किल है। अनुराग की सीट बदलने को लेकर भी अटकलें तेज है। वहीँ मंडी से पार्टी उम्मीदवार के तौर पर जयराम ठाकुर और अनिल शर्मा के नाम चर्चा में है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने आज कांगड़ा स्थित अपने निवास स्थान और ओबीसी भवन नगरोटा बगवां में जन समस्याएं को सुनते हुए उनका निपटारा किया। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को सुनना और उनकी शिकायतों का निवारण करना सरकार का प्रथम कर्तव्य है। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने हटवास पंचायत के एक बुजुर्ग को चार कुर्सियां भी भेंट की। इसके बाद बाली नगरोटा बगवां के रहने वाले व्यवसाई एवं वरिष्ठ पत्रकार नीरज दुसेजा की माता ललिता दुसेजा के स्वर्गवास उपरान्त उनकी आत्मा की शांति के लिए रखी गई पूजा और उठाले में सम्मिलित हुए। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिवार के समक्ष अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। बाली ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊपरली मजेठली का भी दौरा किया। यहां आसमानी बिजली गिरने से लगभग 8 घरों की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उन्होंने मौक़े पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावितों से बात कर उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
कैंसर की विभिन्न बीमारियों में महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर पूरे विश्व में काफी फैला हुआ है। भारत में हर वर्ष 2 लाख के करीब ब्रेस्ट कैंसर के केस आ रहे हैं। हालांकि ब्रेस्ट कैंसर से बचाव आसान है, यदि इसका समय रहते पता चल जाए। यह बात एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा ने धर्मशाला में आयोजित मैमोग्राफी कैंप में शिरकत करते हुए कही। एसडीएम ने कहा कि भारत में ब्रेस्ट कैंसर की पहचान देरी से होती है और यह रोग बिगड़ जाता है। 30 वर्ष की आयु के बाद महिलाओं को मैमोग्राफी टेस्ट करवाते रहना चाहिए। रेडक्रॉस सोसायटी की उपमंडल इकाई धर्मशाला ने मैमोग्राफी कैंप लगाने की शुरुआत की है और भविष्य में प्रयास किया जाएगा कि इस तरह के कैंप समय-समय पर आयोजित किए जा सकेंगे। मैमोग्राफी टेस्ट कैंप पालमपुर में करवाया जा रहा था, जिनसे संपर्क करके बहुत कम समय में धर्मशाला में भी यह कैंप यहां आयोजित किया गया। अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में इसी तरह का कैंप आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे। धर्मशाला में पहली बार आयोजित किए गए कैंप के प्रति महिलाओं ने रुचि दिखाई है और 70 से अधिक महिलाओं ने कैंप में टेस्ट करवाए हैं। ब्रेस्ट कैंसर यदि गंभीर रूप लेता है तो इसका पूरे परिवार पर असर पड़ता है। हमारी यही अपील है कि 30 वर्ष से अधिक की महिलाएं अपना मैमोग्राफी टेस्ट जरूर करवाएं।
सिरमौर के नाहन में 25 जून से 28 जून तक पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राइफल स्माल बॉक्स प्रिंटर शॉट गेम जैसे शूटिंग इवेंट छठी आरबीएन बटालियन द्वारा आयोजित करवाए गए। इस प्रतियोगिता के मेन जूनियर की 10 मीटर रेस शूटिंग में खुंडिया तहसील के गांव नंतर बारी कलां निवासी शिवम राणा ने सिल्वर मेडल जीता। समापन समारोह में 2012 ओलंपियाड के सिल्वर मेडलिस्ट विजय कुमार ने शिवम को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। शिव के पिता सुनील कुमार एक्स सर्विसमैन हंै तथा वर्तमान में तहसील खुंडिया में बतौर पटवारी कार्यरत हंै, जबकि माता आशा रानी समाज सेवा और राजनीति से जुड़ी हैं।
पूर्व मंत्री एवं जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत डाडासीबा में सड़क पर खड़े पानी में नाव चलाने को लेकर वायरल वीडियो को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि यह वीडियो सरकार की कथनी और करनी की पोल खोलने वाला है। इससे साबित होता है कि सरकार विकास के प्रति कितनी गंभीर है। डाडासीबा जैसे मुख्य इलाके में ही सड़क का यह हाल है तो दूरदराज के इलाकों में स्थिति और भी खराब होगी। एक बयान में बिक्रम ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा देकर सत्ता में आई कांग्रेस के चेहरे से नकाब पूरी तरह हट चुका है। अपने छह माह के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने सिर्फ भाजपा सरकार की ओर से खोले गए संस्थान बंद किए हैं। सरकार का ध्यान विकास की तरफ है ही नहीं। सत्ता संभालने के कुछ माह के भीतर ही लोगों का सरकार से मोह भंग हो गया है। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के डाडासीबा में सड़क पर खड़े पानी में नाव चलाकर दुकानदारों का विरोध प्रदर्शन इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि डाडासीबा जैसे स्थान से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आनाजाना होता है। करीब दो सौ मीटर लंबी सड़क पर खड़े इस पानी की वजह से किसी हादसे की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। बिक्रम ने प्रदेश सरकार और उसके नेता अहम स्थानों के प्रति इतना उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। सिर्फ डाडासीबा ही नहीं प्रदेश के कई क्षेत्रों में ऐसी ही हालत बनी हुई है।
जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर उपमंडल के गांव हारसीपतन में रविंद्र सूद के घर में बुधवार रात को लगभग 9 बजे रसोई में इंडियन कोबरा देखा गया। सांप को देखकरपरिवार के सभी सदस्य बाहर आ गए और सांप रसोई में रखी लकड़ियों में छुप गया। कोबरा इतना बड़ा था कि सभी आगे जाने से घबरा रहे थे। उन्होंने रात को 11 बजे फोन से आलमपुर के माथुर धीमान को सूचित किया, लेकिन माथुर धीमान उस वक्त निजी कार्य से बाहर गए हुए थे। सुबह माथुर धीमान 10 बजे उनके घर पहुंचे तो देखा कि सांप वहीं लकड़ियों में छुपा हुआ था। माथुर धीमान ने इस सांप को पकड़कर उसका रेस्क्यू किया और घर वालों को भय से मुक्त किया। माथुर धीमान ने अताया कि यह इंडियन कॉमन कोबरा था, जिस में न्यूरोटॉक्सिक वेनम पाया जाता है। इसे रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है।
क्रिकेट जगत के सबसे बड़े इवेंट विश्व कप के पांच मैचों की मेजबानी हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के धर्मशाला स्टेडियम को मिलना हर हिमाचली के लिए गर्व की बात है। हिमाचल जैसे छोटे राज्य ने अनुराग सरीखे नेता की कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। अनुराग ठाकुर की कड़ी मेहनत के बाद अरुण धूमल की सूझबूझ व कार्यक्षमता ने एचपीसीए को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। धर्मशाला को पांच मैच मिलने पर अनुराग ठाकुर का धन्यवाद करते हुए भाजपा युवा नेता डॉ. सुकृत ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र धर्मशाला में दुनिया का सबसे खूबसूरत स्टेडियम बनाना कोई आसान काम नहीं रहा होगा, लेकिन अनुराग ठाकुर की दृढ़ इच्छा शक्ति से ही यह मुमकिन हो पाया है। डॉ. सुकृत ने कहा कि विश्व कप के पांच मैच मिलने के बाद जहां पूरे हिमाचल का नाम विश्व में ऊंचा हुआ है, वहीं खेल के क्षेत्र में इस छोटे राज्य के युवाओं की संभावनाएं बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में देश विदेश से लोग धर्मशाला में मैच देखने आएंगे, जिससे टूरिज्म क्षेत्र से जुड़े लाखों हिमाचलियों को लाभ होगा। जब यह क्रिकेट प्रशंसक वापस जाएंगे तो हिमाचल की खूबसूरती व संस्कृति का प्रचार-प्रसार अपने-अपने क्षेत्र में करेंगे, जिससे आगामी वर्षों में भी हिमाचल के टूरिज्म को बल मिलेगा। डॉ. सुकृत ने हिमाचल को विश्व कप के पांच अंतरराष्ट्रीय मैचों का तोहफा देने के लिए अनुराग ठाकुर, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल व एचपीसीए का आभार व्यक्त किया।
जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ते गांव सुकाहर के चलाली में एक टीनपोश पशुशाला में आग का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार त्रिलोक सिंह पुत्र हरनाम सिंह की टीनपोश गौशाला में अचानक आग लग गई, जिससे गौशाला सहित उसके अंदर रखा पशुओं का सूखा चारा आदि जलकर राख हो गए आग पर दमकल विभाग व स्थानीय लोगों की मदद से काबू पाया बरहाल इस अग्निकांड में किसी भी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। त्रिलोक सिंह के पुत्र प्रदीप कुमार ने बताया कि दमकल विभाग के कर्मचारियों ने इस अग्निकांड पर काबू पाया। हालांकि गाड़ी आगे तक नहीं पहुंच पाई पर विभागीय अधिकारियों सहित स्थानीय लोगों ने हरसंभव मदद की है। रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में लगभग 50,000 का नुकसान आंका गया।
कांगड़ा जिले के 15 स्वास्थ्य संस्थानों में अब नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरू की जाएंगी। यह जानकारी उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने राष्ट्रीय नार्को समन्वय पोर्टल (एनकॉर्ड) के तहत बनी जिलास्तरीय समन्वय समिति की बैठक के उपरांत दी। उपायुक्त कार्यालय में आज (बुधवार) को आयोजित इस बैठक में जिला नार्कोटिक्स समन्वय समिति की संयोजक पुलिस अधीक्षक कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री भी उपस्थित रहीं। डॉ. निपुण जिंदल बताया कि पहले चरण में जिला कांगड़ा में 15 जून से 8 स्वास्थ्य संस्थानों में नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरू की गई थीं। जिनमें जोनल अस्पताल धर्मशाला के साथ सिविल अस्पताल ज्वालामुखी, कांगड़ा, शाहपुर, नूरपुर, इंदौरा फतेहपुर और पालमपुर में यह सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इन अस्पतालों में शुरु की गई नशा मुक्ति क्लीनिक का लोग लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने बताया इन सभी अस्पतालों में कि अभी तक हुई दो ओपीडी में नशे से पीड़ित 33 लोग परामर्श ले चुके हैं और अपना उपचार करवा रहे हैं। डीसी ने बताया कि जिले में अब 7 अन्य अस्पतालों में भी नशा मुक्ति क्लीनिक सेवाएं शुरु की जाएंगी। जिनमें देहरा, बैजनाथ, थुरल, फतेहपुर, जवाली, डाडासीबा और जयसिंहपुर के सिविल अस्पतालों शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिले के इन सभी 15 अस्पतालों में ये सेवाएं हर हफ्ते 2 दिन शुक्रवार और शनिवार को दोपहर बाद 2 से 4 बजे तक मिलेंगी। उन्होंने बताया कि इन संस्थानों में नशा मुक्ति के मामलों को डील करने के लिए प्रशिक्षित चिकित्सक और स्टाफ उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि इस संस्थानों में नशा मुक्ति से जुड़ी सभी दवाइयां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाई जाएंगी।
अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने कहा कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल तथा उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना के लिए सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग के कार्यों के प्रति जिम्मेदार रहें तथा सम्बन्धित विभाग इस योजना के तहत अपने-अपने क्षेत्रों में तेजी से कार्यों का निर्वहन करें। एडीसी बुधवार को डीआरडीए के सभागार में राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित बनाने हेतु आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिला में एनजीटी के तहत गठित कमेटियों द्वारा किये गए कार्यों की समीक्षा की गई। एडीसी ने कहा कि पर्यावरण में स्वच्छता बनाए रखने के दृष्टिगत नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल की और से सॉलिड वेस्ट, प्लास्टिक वेस्ट, बायो मेडिकल वेस्ट, ई-वेस्ट तथा कंस्ट्रक्शन आदि के प्रबंधन के लिए जो नियम बनाए गये हैं उनका सफल तरीके से क्रियान्वयन करना सुनिश्चित करें। एडीसी ने कहा कि जिला के नदी-नालों में प्रदूषण, अवैध डंपिंग और अवैध खनन को रोकने के लिए सभी संबंधित अधिकारी कदम उठाएं तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि जिला के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ठोस एवं तरल कचरे का सही निष्पादन सुनिश्चित किया जा सकता है। बैठक में बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के तहत जिला में स्वास्थ्य सुविधाओं, जिला में बायो मेडिकल वेस्ट की मात्रा व उनका प्रबंधन, बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट के लिए ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने आदि बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एसडीओ वरुण गुप्ता ने बैठक का संचालन किया तथा विभिन्न मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया।
उपमंडल रे के अंतर्गत आने वाले गांवों में आजकल बिजली बाधित समस्या काफी हद तक बढ़ गई है। आए दिन कोई न कोई ट्रासफार्मर ओवरलोडिंग के कारण जल जाता है। इससे लोगों को गर्मी के इन दोनों में काफी समस्या हो रही है। ग्राम पंचायत भोग्रवां में पिछले ही दिनों दो ट्रासफार्मर जल गए थे, जिसे विभाग द्वारा बदल दिया गया है। जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता मंडल फतेहपुर अमन चौधरी ने बताया कि 2 दिनों में भोग्रवां में दो ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग के कारण जल गए थे, जिन्हें की बदल दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने अपनी मोटरों को ऑटोमेटिक मोड पर रखा है , जिसके कारण ओवरलोडिंग हो जाती है और ट्रांसफार्मर जल जाते हैं। इस कार्य को रोकने के लिए निरीक्षण टीमें तैयार कर ली गई हैं। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अब जिस भी व्यक्ति की मोटर ऑटोमेटिक मोड पर पाई गई तो उन्हें भारी जुर्माना चुकाना पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है जिनकी भी मोटर ऑटोमेटिक मोड पर है, उसे समय रहते बदल दे नहीं तो उन्हें भारी रकम जुर्माने के रूप में भुकतनी पड़ सकती है।
ज्वालामुखी के अंतर्गत देहरियां में बुधवार को स्कूटी की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार 92 वर्षीय बुजुर्ग शेर सिंह पुत्र रसीला राम, निवासी डोहग देहरियां अपने घर के पास मुख्य सड़क किनारे पैदल चल रहे थे कि अचानक ज्वालामुखी से रानीताल की तरफ जा रहे एक स्कूटी चालक ने उन्हें सामने से टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल शेर सिंह की आरपीजीएमसी टांडा में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। वहीं, सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाने में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने की है।
पुलिस थाना पालमपुर की पुलिस ने बुधवार को एक व्यक्ति से 19 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपी की पहचान सागर शर्मा पुत्र नरेश, निवासी गांव खड़ौत पो बल्ला, थाना भवारना, तहसील पालमपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा में मंगलवार रात्रि को फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें बीएड के द्वितीय सत्र के विद्यार्थियों ने चतुर्थ सत्र के विद्यार्थियों को विदाई दी। इस समारोह में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष चेयरमैन जे. एस पटियाल और उपाध्यक्ष कमलेश पटियाल डॉ. वीना भट्ट और डॉ. आनंद वडेरा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस विदाई समारोह में मिस फेयरवेल डिंपी और मिस्टर फेयरवेल परमेश को चुना गया। वहीं मिस पर्सनैलिटी अनामिका जरियाल और मिस्टर पर्सनैलिटी रोहित कुमार, मिस ब्यूटीफुल आंचल और मिस्टर हैंडसम राहुल को चुना गया। मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत कुमार ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया और कहा कि आपको चुनौतियों का सामना करते हुए बुलंदियों को छूना है और कॉलेज का नाम रोशन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से आगे बढ़ते रहने के लिए प्रोत्साहित किया। इस विदाई समारोह में डॉ. कपिल कुमार वर्मा, डॉ. अश्विनी शर्मा और मिस्टर सचिंद्र कुमार के साथ सभी अध्यापक वर्ग भी वहां उपस्थित रहे।
जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल ने एशियन पैरा वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2023 में भाग लेने के लिए कजाकिस्तान जा रहे हिमाचल के पैरावॉली खिलाड़ी अजय कुमार को जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा की ओर से 21 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही उन्होंने अजय को राष्ट्रीय ध्वज भी भेंट किया। इसके अलावा गोरखा एसोसिएशन और भागसू पहल संस्था ने भी अजय कुमार को अपनी ओर सहायता राशि भेंट की। डॉ. निपुण जिंदल ने बुधवार को अपने कार्यालय में अजय कुमार से मुलाकात की और उन्हें अपनी और सभी जिलावासियों की ओर से शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अजय का दिव्यांगता की सीमाओं को पार कर देश के लिए खेलने का जज्बा प्रेरणादायी है। उन्होंने कामना की कि अजय अपने खेल से कीर्तिमान स्थापित कर विदेश में देश-प्रदेश का नाम ऊंचा करें। जिलाधीश ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन सदैव दिव्यांग खिलाड़ियों की सहायता और प्रोत्साहन के लिए समर्पित है। बता दें, चंबा जिला से संबंध रखने वाले अजय कुमार एशियन पैरा वॉलीबॉल चैंपियनशिप-2023 में भाग लेने के लिए कजाकिस्तान जा रहे हैं। ये चैंपियनशिप 2 से 8 जुलाई तक खेली जाएगी। अजय कुमार ने जिलाधीश तथा गोरखा एसोसिएशन और भागसू पहल का आभार जताते हुए कहा कि भारत देश के लिए खेलना उनका बचपन का सपना है और इसे साकार करने में मदद के लिए वे सभी के कृतज्ञ हैं। अजय ने कहा कि एक साधारण परिवार से होने के चलते उनके लिए विदेश खेलने जाना आर्थिक रूप से कठिनाई भरा है। ऐसे में मदद की दरकार है। इस सहायता से न केवल वे बल्कि अन्य दिव्यांगजनों को भी खेलों में आगे बढ़ने का साहस मिलेगा। उल्लेखनीय है कि अजय कुमार 7 से 9 अप्रैल तक तमिलनाडु में हुई नेशनल फेडरेशन कप सिटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम के कप्तान थे। इससे पहले वे 3 से 6 फरवरी को तंजावुर इंडोर स्टेडियम में हुई 11वीं नेशनल सिटिंग वॉलीबॉल चैंपियनशिप में हिमाचल की टीम के उपकप्तान भी रहे। उन्होंने इस चैंपियनशिप में हिमाचल को क्वार्टर फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। इस दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव ओपी शर्मा तथा गोरखा एसोसिएशन और भागसू पहल संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
सोमवार की देर रात करीब साढ़े दस बजे शाहपुर के नजदीक सारनु में ईंटों से भरा ट्रक पलट गया, जिसके कारण ईंटें नेशनल हाइवे पर बिखर गईं। ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर सुरक्षित हैं। सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस भी पहुंच गई है। प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि ये ट्रक पठानकोट से पालमपुर जा रहा था। सारनु में जब ट्रक पहुंचा तो उतराई उतरते समय ट्रक अनियंत्रित हो गया। अचानक ब्रेक मरने पर ईंटों से भरा ट्रक पलट गया। ट्रक में लगभग चार हजार ईंटें लोड थीं। गनीमत रही कि ट्रक ड्राइवर और परिचालक सुरक्षित हैं। सूचना मिलने पर पुलिस थाना शाहपुर की टीम भी रवाना हो गई है। मौके पर पहुंचे एएसआई अश्वनी शर्मा ने बताया कि ट्रक ड्राइवर और परिचालक सुरक्षित हैं। मौके पर पहुंची टीम जांच में जुटी है। ईंटों से भरा ये ट्रक पठानकोट से पालमपुर जा रहा था। पुलिस घटना की तफ्तीश कर रही है।
मंगलवार को दोपहर बाद सिविल अस्पताल इंदौरा में रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने हेतु महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई व आवश्यक उपकरणों की खरीद एवं रखरखाव हेतु बैठक में डॉक्टर वरुण शर्मा ने वित्त वर्ष 2022 - 23 में खर्च हुई राशि का मदवार ब्यौरा प्रस्तुत किया। बीएमओ डॉक्टर संदीप महाजन ने वित्त वर्ष 2023-24 के लिए रोगियों को और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने हेतु महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करने के उपरांत आवश्यक उपकरणों की खरीद एवं रखरखाव हेतु अनुमानित 26 लाख रुपये राशि का बजट सभा में प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पास किया गया। इस अवसर पर एसडीएम. इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, बीडीओ सुदरशन सिंह, प्रधान भोपाल कटोच, बीडीसी जसवीर कटोच, डॉक्टर राजीव, अधिवक्ता संदीप कटोच, अनिल कटोच डॉली सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
उपमंडल जयसिंहपुर के तहत भाजपा मंडल जयसिंहपुर कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत आज भाजपा कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान मौजूद रहे। रविंद्र धीमान ने कार्य क्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित करके की। मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण में मोदी जी के संबोधन को भी सुना। रविंद्र धीमान ने अपने संबोधन में कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले अपने बूथ को मजबूत करना है और भाजपा संगठन के साथ आगे बढ़ती है उन्होंने कहा कि चुनाव के अंतिम लड़ाई बूथ स्तर पर ही लड़ी जाती है। धीमान ने कहा कि बूथ को मजबूत कर भाजपा एक बार फिर साल 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करके जीत की हैट्रिक लगाएगी। इस अवसर पर पूर्व विधायक रविंद्र धीमान के साथ मंडल अध्यक्ष राम रतन, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य विनोद शर्मा, महिला मोर्चा के साथ अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव जयसिंहपुर के आयोजन को लेकर उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जयसिंहपुर अभिषेक भास्कर की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक यादविंद्र गोमा विशेष रूप से उपस्थित रहे। गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर दशहरा लोगों की आस्था और जन भावनाओं का उत्सव है और इसके गौरव तथा आकार को बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्सव में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी को सुनिश्चित किया जाए तथा उत्सव को अधिक आकर्षक तथा मनोरंजक बनाने के लिए सांस्कृतिक संध्याओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं, मनोरंजन खेलों और प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया जाये। गोमा ने कहा कि जयसिंहपुर दशहरा उत्सव का मुख्य आकर्षण रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतलों का दहन है। उन्होंने कहा कि इस बार पुतलों की ऊंचाई 45 फुट तक बढ़ाई जाएगी और आतिशबाजी को और अधिक आकर्षक बनाया जायेगा। उन्होंने ने कहा कि जयसिंहपुर का राज्य स्तरीय दशहरा उत्सव सरकारी स्तर पर आयोजित होने वाले बड़े उत्सवों में शामिल है और और इसके महत्व और पहचान को बरकरार रखने के उत्सव को भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। विधायक ने प्रदेश में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर लोगों से नदी-नालों से दूर रहने की अपील की है।
जसवां परागपुर के गांव सदवां के लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल के 2 विद्यार्थियों ने छठी कक्षा की नवोदय स्कूल की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर स्कूल व अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है। प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने बताया कि वैभव और रिधम दोनों ही बड़े होनहार विद्यार्थी हैं। ये बच्चे पिछले 6 माह से लगातार मेहनत कर रहे हैं। कड़ी मेहनत के दम पर ही इन्हें सफलता प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि के लिए दोनों बच्चे उनके अभिभावक और स्कूल का स्टाफ बधाई के पात्र हैं। इस खुशी के मौके पर स्कूल की प्रबंधक कमेटी के सदस्य गुरपाल सिंह पठानिया, अश्वनी कुमार व देश राज ठाकुर ने भी शिरकत की। उन्होंने दोनों बच्चों को अपना आशीर्वाद देते हुए उनके मंगल भविष्य की कामना की।
देहरा विधानसभा क्षेत्र के तहत विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत बिलासपुर में शराब ठेके का विरोध कर रही महिलाएं हरिपुर तहसील में नायब तहसीलदार से मिलीं और शराब ठेके को बंद करने का ज्ञापन सौंपा। बता दें कि शनिवार रात को बिलासपुर में शराब ठेका खुलने की भनक ग्रामीणों को लगी तो ग्रामीण महिलाएं शराब ठेके के विरोध में सड़कों पर उतर आईं और शराब ठेके को बंद करने की मांग में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सोमवार को महिलाएं शराब ठेका खोलने के विरोध हरिपुर के नायब तहसीलदार रजिंदर कुमार के माध्यम से प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया, जिसमे तर्क दिया गया है कि बिलासपुर में जिस जगह ठेका खोला गया है वहां आंगनबाड़ी केंद्र 100 मीटर के दायरे के अंदर है। इधर, शराब ठेके का विरोध कर रहे ग्रामीण जब सोमवार को धरना स्थल पर कोई भी दिखाई नहीं दिया तो क्षेत्र में अफवाह फैल गयी कि धरना प्रदर्शन महिलाओं ने स्थगित कर दिया है। जबकि प्रदर्शनकारी ज्ञापन देने हरिपुर गए हुए हैं। पंचायत प्रधान रीना बग्गा ने बताया कि अभी धरना खत्म नही हुआ है, महिलाए ज्ञापन देने हरिपुर गईं है और धरना जारी है। उधर, आबकारी एवं कराधान पालमपुर के संयुक्त आयुक्त विवेक महाजन ने कहा कि आबकारी नीति व नियमों के अनुसार ही शराब ठेका खोल गया और आंगनबाड़ी केंद्र से ठेका 180 मीटर दूर है। फिर भी जांच के लिए आदेश दे दिए गए हैं।
उप मंडल इंदौरा के अंतर्गत किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में त्वरित राहत कार्य शुरू हो सके, इसके लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इस संदर्भ में एक विशेष बैठक सोमवार शाम को विकास खंड कार्यालय इंदौरा में एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान खंड विकास अधिकारी इंदौरा सुदर्शन सिंह को निर्देश दिए गए कि वे पंचायतों में विभिन्न नालियों की साफ-सफाई करवाना सुनिश्चित करें। इसी तरह लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि सभी सड़क मार्गों के साथ लगती कच्ची-पक्की नालियों आदि की साफ-सफाई करवा दें व पानी की निकासी के मार्ग खोल दें ताकि वर्षा की स्थिति में पानी ओवरफ्लो न हो या पानी का बहाव अपना रुख बदलकर जानमाल को क्षति न पहुंचा सके। एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह से तैयार है और किसी भी तरह की प्राकृतिक आपदा की स्थिति में इंदौरा में 01893241050, 8580493797 व 9816995803 नंबर पर संपर्क कर सूचना दी जा सकती है। यह सेवा 24 घंटे जारी रहेगी। बैठक में नायब तहसीलदार इंदौरा गगन सिंह, बीडीओ सुदर्शन सिंह, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, विद्युत बोर्ड सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश डॉ. भीमराव अंबेडकर मिशन अनुसूचित जाति कल्याण समिति की बैठक सोमवार को अशोका टेंट हाउस नंगल चौक में संपन्न हुई। इस बैठक में 35 व्यक्तियों ने भाग लिया, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष गुरदास राम ने अपने स्वास्थ्य का कारण बताते हुए पद से त्यागपत्र दिया और सर्वसम्मति से नए प्रदेश अध्यक्ष एमआर दड़ौच को चुना गया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गुरदास राम ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का हार पहनाकर सम्मानित किया। इसके उपरांत पूर्व अध्यक्ष गुरदास राम को शाल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया पिछली कार्यकारिणी यथावत कार्य करती रहेगी। गुरदास राम को समिति का संरक्षक नियुक्त किया गया। इस अवसर पर शंकर सन्यास महासचिव, प्रोफेसर अमर सिंह, पूर्व प्रधान धर्मचंद, डाडा सीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा मास्टर रतन चंद कौंडल, पूर्ण चंद, किशोरी लाल, त्रिलोक चंद, तरलोक संधू ,हरदयाल, नीलम कुमारी व अन्य मौजूद रहे।
विकास खंड परागपुर में सोमवार को जिला परिषद कर्मियों ने खंड कार्यालय परागपुर के बीडीओ वीरेंद्र कौशल को सामूहिक अवकाश के लिए संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा, जिसमें पंचायत सचिव, कनिष्ठ अभियंता, तकनीकी सहायक तथा जिला परिषद के अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे। गौर रहे कि जिला परिषद कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर 27 जून को पूरे प्रदेश में सामूहिक अवकाश पर चले जाने का निर्णय लिया है, जिस कारण मंगलवार को पूरे प्रदेश के पंचायत कार्यालय बंद रहेंगे। जिला परिषद कर्मियों का कहना है कि न तो उन्हें छठे वेतन आयोग का लाभ मिला है तथा न ही उनका एनपीएस कटना बंद हुआ है । जिला परिषद के कर्मचारी सरकार से मांग कर रहे हैं कि इस कैडर के कर्मचारियों और अधिकारियों का पंचायती राज या ग्रामीण विकास विभाग में विलय किया जाए। इसके लिए सरकार को 2 सप्ताह का समय दिया जाएगा। उसके उपरांत जिला परिषद के कर्मी आगामी रणनीति तय करेंगे । परागपुर ब्लॉक के जिला परिषद कर्मियों को अपने ब्लॉक के समस्त पंचायत प्रधानों का भी समर्थन मिल गया है। सोमवार को ब्लॉक परागपुर में हुई एक बैठक के उपरांत समस्त पंचायत प्रधानों ने भी जिला परिषद कर्मियों की मांगों के समर्थन का ऐलान कर दिया है। जिला परिषद कर्मचारी और अधिकारी महासंघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि जिला परिषद कर्मियों की प्रमुख मांग विभाग में विलय से संबंधित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार ने जो वादा चुनावों से पूर्व इन कर्मियों के साथ किया था, उसे सरकार अवश्य पूरा करेगी।
पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे पर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिहुवा के छतरी बाजार के समीप सोमवार को एक बोरवेल ड्रिलिंग मशीन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। इस हादसे में गाड़ी में सवार एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी, जबकि दो अन्य घायल हुए हैं। घायल लोग शाहपुर अस्पताल में उपचाराधीन हैं। गाड़ी में सवार तीनों लोग राजस्थान से संबंधित बताये जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने मौके पर पहुंच कर खुद राहत बचाव अभियान की अगुवाई की। चीफ मेडिकल ऑफिसर सुशील शर्मा भी उनके साथ रहे। विधायक ने दुर्घटना में 1 व्यक्ति की मृत्यु पर शोक प्रकट किया। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों को उनके निशुल्क इलाज और उचित देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम करतार चंद को पीड़ितों को राहत मैन्युअल के अनुसार फौरी राहत प्रदान करने को कहा।
जिला परिषद कर्मचारी महासंघ इंदौरा इकाई ने मंगलवार को बीडीओ इंदौरा सुदर्शन सिंह को सामूहिक अवकाश हेतु ज्ञापन सौंपा। बता दें कि गत वर्ष उक्त संघ ने स्वयं को विभाग में मर्ज करने, छठे वेतन आयोग का लाभ लेने की मांग को लेकर हड़ताल पर गया था और उस समय सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों को उनकी सरकार आने पर पहले ही दिन से मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन सरकार को बने हुए 6 माह होने के बावजूद कर्मचारियों की मांग को अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका है, जिससे उक्त कर्मचारी वर्ग स्वयं को ठगा महसूस कर रहे हैं। कर्मचारियों ने प्रेस के माध्यम से यह भी चेताया है कि यदि उनकी मांगों को शीघ्र पूरा न किया गया तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।
प्राचीन शिव मंदिर काठगढ़ में मंदिर कमेटी प्रधान ओम प्रकाश कटोच की अध्यक्षता में आज बैठक का आयोजन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से सावन महोत्सव धूमधाम से मनाने का प्रस्ताव पास किया गया। महोत्सव के दौरान 16 जुलाई को मासिक रामायण पाठ व शिव पुराण का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ग्यारह रामायणों का अखंड पाठ शुरू होगा, जिसका 17 जुलाई को भोग डाला जाएगा। 22 से 28 जुलाई को रूद्र्राभिषेक होगा और संतों व कथा वाचकों द्वारा श्रीमद्भागवत कथा, शिव कथा व श्री राम कथा श्रद्धालुओं को सुनाई जाएगी। श्रद्धालुओं के लिए लंगर व ठहरने की व्यवस्था की गई है। सभा के प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा ने जानकरी देते हुए कहा कि वैठक में मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य, जिसमें श्री शनिदेव जी का भब्य मंदिर, अतिरिक्त 6 कमरों का निर्माण इत्यादि की समीक्षा भी की गई। इस अवसर पर सभा के वरिष्ठ उपप्रधान वनारसी दास मेहता, अजीत सिंह, कृष्ण गोपाल शर्मा, कुलदीप सिंह, उपप्रधान युद्धवीर सिंह, महासचिव सुभाष शर्मा, सचिव गणेश दत्त शर्मा, कार्यालय सचिव जोगिंदर पाल भारद्वाज, प्रेस सचिव सुरिंदर शर्मा,सह प्रेस सचिव पवन शर्मा, कोषाध्यक्ष तिर्लोचन कंवर, मुख्य सलाहकार कृष्ण मन्हास, सुरजीत सिंह, संगठन मंत्री रमेश पठानिया, प्रचार मंत्री बलबीर सिंह, प्रेम सिंह,नवीन उप्पल मैनेजर देवेंद्र गौतम अशोक पठानिया, राजीव ठाकुर, विजय सिंह उपस्थित रहे।
हिमाचल प्रदेश सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी द्वारा घोषित बीएड के प्रथम सेमेस्टर के परिणाम में मिनर्वा कॉलेज ऑफ एजुकेशन इंदौरा का परिणाम शानदार रहा। प्रिंसिपल डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि कॉलेज के प्रथम सेमेस्टर के सभी छात्रों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि अंजली देवी ने 78.5 प्रतिशत लेकर प्रथम स्थान और दिव्यांशी ने 78.2 प्रतिशत लेकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वहीं अमीषा और साक्षी ने 78 प्रतिशत लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर कॉलेज के चेयरमैन जेएस पटियाल ने और सभी अध्यापक वर्ग ने सभी परीक्षार्थियों को बधाई दी और आने वाले उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदव्यास परिसर बलाहर में रविवार को हिम जागृति मंच द्बारा बिग टैलेंट हंट शो का आयोजन किया गया। इसमें गुलेर के अमनदीप शर्मा ने मिस्टर आइकोनिक हिमाचल-2023 का खिताब अपने नाम किया। कार्यक्रम में मॉडल पंकज कुमार, सोनाली शर्मा व शिवानी कौशल ने जज की भूमिका निभाई। अमनदीप ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता को दिया। अमनदीप ने बताया कि उनकी माता हमेशा उन्हें प्रोत्साहित करती हैं। अमनदीप शर्मा ने इससे पहले भी बहुत से खिताब अपने नाम किए हैं। इनमें टैलेंट हंट ऑफ हिमाचल-2022, मिस्टर बेस्ट परफॉर्मर, मिस्टर स्टार ,जलसा शो कांगड़ा आदि कई खिताब शामिल हैं। हाल ही में उन्होंने हिमाचली टोपी गाने में मॉडल की भूमिका निभाई है। वे गायक हरिश मंडियाल के पहाड़ी गाने बुढंका में नजर आएंगे, जिसका टीजर यू-ट्यूब पर आ गया है।
कांगड़ा जिला नशा निवारण गतिविधियों के प्रभावी कार्यान्वयन में प्रदेश में अव्वल रहा है। 19 से 25 जून तक चले राज्यव्यापी नशा निवारण कैंपेन में जिले ने सराहनीय कार्य किया है। इसके लिए हिमाचल सरकार ने जिले को पुरस्कार से नवाजा है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 26 जून को नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय दिवस के उपलक्ष्य पर शिमला में हुए एक कार्यक्रम में यह पुरस्कार प्रदान किया। कांगड़ा जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त उपायुक्त सौरभ जस्सल ने मुख्यमंत्री के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। इस मौके एनआईसी कक्ष धर्मशाला से जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल, एडीएम रोहित राठौर , जिला कल्याण अधिकारी नरेंद्र जरयाल और जिला पंचायत अधिकारी नीलम कटोच समेत अन्य संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े रहे। इस मौके सभी ने मुख्यमंत्री द्वारा दिलाई नशा मुक्त हिमाचल की शपथ ग्रहण की। डॉ. निपुण जिंदल ने कांगड़ा जिले को मिले पुरस्कार का श्रेय टीम भावना से किए काम को दिया और जिले में नशा मुक्त हिमाचल अभियान को आगे भी इसी प्रकार गतिमान रखने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विशेषकर जिला कल्याण अधिकारी नरेंद्र जरयाल और उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। जागरूकता, सुधार और स्वास्थ्य पर ध्यान डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि कांगड़ा जिले में नशा निवारण पर जागरूकता बढ़ाने के साथ साथ नशे के शिकार लोगों के सुधार तथा उनके पुनर्वास व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिले में नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की मजबूती पर फोकस किया गया है। साथ ही चरणवार सिविल अस्पतालों में नशा मुक्ति क्लिनिक सेवाएं शुरू की गई हैं। पहले चरण में जिले के 8 स्वास्थ्य संस्थानों में यह सेवाएं दी जा रही हैं। वहां नशा मुक्ति के मामलों को डील करने के लिए प्रशिक्षित चिकित्सक और स्टाफ मौजूद हैं। साथ ही वहां नशा मुक्ति से जुड़ी सभी दवाइयां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। कैंपेन को बनाएं जनांदोलन, सबके सहयोग से होंगे सफल जिलाधीश ने कांगड़ा जिला वासियों से नशा मुक्त हिमाचल अभियान को जनांदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सबके सहयोग से हम नशे के खिलाफ जारी इस जंग में सफल होंगे। इन प्रयासों में प्रशासन के साथ समाज के हर तबके, हर आयु वर्ग के लोगों की सहभागिता और सक्रिय सहयोग आवश्यक है। डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि 19 से 25 जून तक चले राज्यव्यापी नशा निवारण कैंपेन में कांगड़ा जिले में विविध जागरूकता गतिविधियां आयोजित की र्गइं। जिलेभर में शिक्षण संस्थानों, गांवों-पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम किए गए। इनमें पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संस्थाओं, महिला एवं युवक मंडलों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत सभी वर्गों का सहयोग लिया गया। इसके अलावा नशा निवारण पर स्कूलों में वाद-विवाद, भाषण, नारा लेखन व चित्रकला प्रतियोगिताएं कराई गईं। इस विषय पर युवाओं के साथ साथ अभिभावकों और अध्यापकों के लिए भी सेमिनार और वेबीनार कराए गए, साथ ही नशा मुक्त हिमाचल के संदेश को घर घर पहुंचाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक तथा सोशल मीडिया का पूरा उपयोग किया गया। वहीं, इस दौरान प्रभात फेरियों और मैराथन के जरिए भी जागरूकता संदेश का प्रचार प्रसार किया गया। युवाओं के लिए अनेक खेल गतिविधियां आयोजित करने के साथ साथ नशा निवारण पर जागरूकता सामग्री वितरित की गई। पंचायतों में स्वास्थ्य जांच कैंप लगाए गए। नुक्कड़ नाटकों के जरिए भी अभियान के संदेश को जन जन तक ले जाने के प्रयास किए गए। धर्मशाला की गुंजन संस्था को भी पुरस्कार वहीं, धर्मशाला की गुंजन संस्था को भी नशा निवारण गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए पुरस्कृत किया गया। गुंजन संस्था के निदेशक संदीप परमार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हाथों यह पुरस्कार ग्रहण किया। बता दें, गुंजन संस्था नशा निवारण कार्यक्रमों के संचालन के साथ ही कांगड़ा जिले में नशा निवारण अभियान के कार्यान्वयन में जिला प्रशासन का निरंतर सहयोग करती रही है।
आम आदमी पार्टी की मीटिंग ज्वालामुखी में 26 जून को हुई। पार्टी की मीटिंग में नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चा की गई। इस मीटिंग में विकास धीमान, सीता राम भाटिया, राम स्वरूप धनोटिया, बिशंभर दास डोगरा, हरी ओम, प्रवीण कुमार, हुक्म चंद शयाल, धर्म चंद, हरनाम सिंह, व अमित कपूर उपस्थित रहे। मीटिंग में निर्णय लिया गया कि जल्द ही आम आदमी पार्टी की जवालामुखी इकाई की कार्यकारिणी का गठन किया जाउगा। इसके लिए 9 जुलाई का दिन तय किया गया है।
कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा ने जारी एक बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा के प्रत्याशी राकेश चौधरी कानून अपने हाथ में ले रहे हैं और इस बात का प्रमाण एक वायरल वीडियो में साफ-साफ देखने को मिल रहा है। वहीं दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता अपने बयानों से प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठा रही है, लेकिन सच्चाई इस वायरल वीडियो में देखने को मिल रही है, जहां भाजपा के नेता खुद लड़ाई-झगड़े में शामिल दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सलूणी में हुई घटना में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद भारतीय जनता पार्टी के नेता अपने बयानों से इसे राजनीतिक और सांप्रदायिक रंग देने की नाकाम कोशिश करते रहे। इसके साथ ही शिमला में भी टैक्सी यूनियनों के विवाद को भाजपा ने क्षेत्रवाद का रंग दे दिया। सुधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए दिन-रात कार्य कर रहे हैं। राज्य की तरक्की और लोगों की खुशहाली के लिए वर्तमान राज्य सरकार का एजेंडा बिल्कुल साफ है, इसलिए भाजपा के नेता सरकार पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबां में अवश्य झांकें। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने राजनीतिक लाभ के लिए हमेशा ही हिमाचल में क्षेत्रवाद, जातिवाद और धर्मांधता से जुड़े मुद्दों को हवा दी है। भाजपा एक सोची-समझी रणनीति के तहत अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनावों को देखते हुए भड़काऊ बयानबाजी कर प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिशों में लगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के इन हथकंडों से भली-भांति परिचित है और प्रदेश विधानसभा के चुनावों की तरह ही आने वाले लोकसभा चुनाव में भी उसकी इस राजनीति को नकार देगी।
हिमाचल प्रदेश में मानसून की पहली बारिश आफत बना कर बरसी है। भारी बारिश के चलते प्रदेश के कई इलाकों में बाढ़ आने से काफी नुक्सान हुआ है। कुल्लू-मंडी-रामपुर में बाढ़ से कई जगह जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। हमीरपुर में सुजानपुर के खैरी में रविवार को बादल फटने से पांच घरों में मलबा घुस गया। कांगड़ा के नगरोटा बगवां के उपरली मझेटली में बिजली गिरने से मां और डेढ़ साल का बच्चा झुलस गया। मंडी के सराज की तुंगधार और कुल्लू की मौहल खड्ड में बाढ़ से एक दर्जन वाहन बह गए और कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। मंडी के शिकारी देवी में शनिवार रात 200 लोग फंस गए, जिन्हें छह घंटे बाद निकाला गया। प्रदेशभर में 85 सड़कें बंद हो गईं हैं। 55 बिजली के ट्रांसफार्मरों को नुकसान पहुंचा है। उधर, कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर जगह-जगह पहाड़ियों से पत्थर, मलबा और पेड़ गिरने से दूसरे दिन भी सभी ट्रेनें रद्द हो गईं। नाहन-कुमारहट्टी और पांवटा-शिलाई नेशनल हाईवे भी कुछ समय के लिए बंद रहा। शिलाई के गंगटोली में खड़ी गाड़ी पर पत्थर गिरे। सतौन और पुरुवाला में खड्ड का पानी दुकानों में घुस गया। जलस्तर बढ़ने से गिरि नदी पर बने जटोन डैम का एक गेट खोलना पड़ा। प्रदेश में मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने सोमवार को ऑरेंज और मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
आलमपुर में शनिवार की शाम को विक्की मैहरा के घर में लगभग सात फुट लंबा (धामण ) रैट स्नेक सांप देखा गया, जो कि आंगन में क्यारियों के साथ बैठा हुआ था। जब विक्की मैहरा की नजर उस पर पड़ी तो वे बहुत डर गए और शोर मचाया। शोर सुनते ही आसपास के सभी घरों के लोग बाहर निकल आए। इसकी सूचना स्नेक मैन के नाम से हिमाचल के मशहूर माथुर धीमान को सूचित किया। माथुर धीमान व उनकी 14 वर्षीय बेटी खुशी धीमान मौके पर पहुंचे और सांप का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू करते समय बार-बार बेटी खुशी के हाथ को सांप ने बुरी तरह लपेट रहा था, लेकिन उसके लिए यह आम बात है। यह सांप लगभग 7 फुट का था जबकि विक्की की लंबाई 6 फुट से ऊपर है। माथुर धीमान ने बताया कि यह सांप बिल्कुल विषहीन होता है, लेकिन बहुत लंबा और मोटा होता है इसको देखते ही बड़ों-बड़ों को पसीने आ जाते हैं। इसका मुख्य आहार पक्षियों के बच्चे और चूहे होता है।
कांगड़ा वैली कार्निवल के बैनर तले पुलिस मैदान धर्मशाला में सजे समर शॉपिंग फेस्टिवल में फुलकारी सूट और जयपुरी कुर्ती की खूब धूम है। वहीं यहां मिल रही खानपान और मनोरंजन की फुल वैरायटी का भी लोग पूरा लुत्फ उठा रहे हैं। बता दें, 15 जून को आरंभ हुआ यह समर शॉपिंग फेस्टिवल 29 जून तक चलेगा। फेस्टिवल में सस्ते दामों में देश-विदेश के बेहतरीन उत्पाद उपलब्ध हैं। वहीं, यहां तरह तरह के व्यंजनों का स्वाद लेने का शानदार अवसर होने के साथ ही बच्चों के मनोरंजन को झूले, वॉटर बोट सुविधा सहित तमाम इंतजाम हैं। इन उत्पादों की अधिक डिमांड समर शॉपिंग फेस्टिवल में रोजाना की आवश्यकताओं समेत सजावट, फैशन के उत्पादों और फर्नीचर तक की खरीदारी के बेहतरीन विकल्प उपलब्ध हैं। वहीं कुछ आइटम ऐसी हैं, जिनकी लोगों में अधिक डिमांड है। इनमें बनारसी साड़ी, फुलकारी सूट, जयपुरी कुर्ती, अफगान ड्राइ फ्रूट, सहारनपुरी फर्नीचर, बदोई कारपेट, कश्मीरी शॉल, क्रॉकरी और बॉम्बे क्लोथ एवं लहंगे की खूब मांग है। परिवार के साथ आउटिंग को परफेक्ट प्लेस समर शॉपिंग फेस्टिवल में एक ही स्थान पर शॉपिंग, डाइनिंग और मनोरंजन के पैकेज से लोग काफी खुश हैं। यह परिवार के साथ आउटिंग को परफेक्ट प्लेस बन गया है। परिवार सहित समर शॉपिंग फेस्टिवल का आनंद ले रही पंजाब की सुजाता का कहना है कि शॉपिंग के साथ ही यहां खाने की बेहतरीन वैरायटी का लुत्फ लेने का अवसर मिलना अपने आप में मजेदार है। वहीं धर्मशाला की रीना, ज्वालामुखी के प्रवेश, बैजनाथ के पंकज बताते हैं कि फेस्टिवल में साउथ इंडियन फूड, दिल्ली 6 की चटपटी चाट, सिक्किम समेत अन्य राज्यों की खाने की स्वादिष्ट डिशेज का आंनद लेना अपने आप में शानदार अनुभव है। वहीं बच्चों के मनोरंजन को तरह तरह के झूले, वॉटर बोट सुविधा सहित अन्य इंतजाम बहुत मजेदार हैं। क्या कहते हैं कि जिलाधीश जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल का कहना है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार पहली बार धर्मशाला में कांगड़ा वैली कार्निवल का आयोजन किया गया है। इसमें 16 से 19 जून तक आयोजित सांस्कृतिक संध्याओं को लोगों ने खूब पसंद किया। वहीं कार्निवल के तहत समर शॉपिंग फेस्टिवल का भी आयोजन किया गया है, जिसके जरिए प्रयास हैं कि लोगों को पुलिस मैदान में पूरे परिवार के साथ खरीदारी, खानपान और बच्चों को खेलकूद, मनोरंजन के अच्छे अवसर मिलें। कांगड़ा के पर्यटन राजधानी के रूप में विकास में यह आयोजन मील का पत्थर साबित होगा।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की तरफ से नया ग्रीनहाउस बनाने के लिए 85 फीसदी अनुदान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री नूतन पॉलीहाउस परियोजना नामक योजना का लाभ कई सारे किसान उठा रहे हैं। इस योजना का लाभ ज्वालामुखी उपमंडल की ग्राम पंचायत लहासन के लहासन गांव के लाल चंद भी उठा रहे हैं। वह पहले अपनी भूमि में गेहूं, मक्का एवं चारा उगाते थे। कृषि विभाग देहरा से लाल चंद ने मुख्यमंत्री नूतन पॉलीहाउस योजना के बारे जानकारी प्राप्त की तथा यह भी जाना कि इस योजना से उन्हें 85 फीसदी फीसदी तक अनुदान मिलेगा। उन्होंने तुरंत ही कृषि विभाग की ऑनलाइन वेबसाइट में जाकर आवेदन किया और उसके पश्चात 3 ग्रीनहाउस (105) बनाए। इन ग्रीनहाउस से उनकी आय में काफी वृद्धि हुई तथा उन्हें फसल विविधिकरण में भी सहायता मिली, जिसके उपरांत उन्होंने सब्जी का उत्पादन करने का लाभ भी मिला कृषि विकास खंड के कृषि विकास अधिकारी आदित्य महाजन ने बताया कि किसान मुख्यामंत्री पॉलीहाउस योजना के तहत 85 फीसदी अनुदान प्राप्त कर सकते हैं तथा अपनी आय में वृद्धि भी कर सकते हैं।
वेद मंदिर योल में पिछले दो महिनों से चल रहे यज्ञ अनुष्ठान में सम्मिलित होते हुए आज उपायुक्त कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने आहुतियां डालीं। उन्होंने इस अवसर पर वेदों की ऋचाओं पर यज्ञ में आहुतियां डालते हुए जिला वासियों के कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि मन, शरीर, बुद्धि, आत्मा और वातावरण की शुद्धि करने में सक्षम यज्ञ अनुष्ठान हमारी जीवंत संस्कृति और सनातन परम्पराओं के द्योतक हैं। उन्होंने कहा कि वेद सबके सुख की कामना करते हैं और वेदों की ऋचाएं शांति का संदेश देती हैं। बता दें कि वेद मंदिर योल में अप्रैल माह से वेदों की पावन ऋचाओं के साथ यज्ञ किया जा रहा है। जिसमें योगाचार्य स्वामी राम स्वरूप की अध्यक्षता में वेदों की ऋचाओं के उच्चारण के साथ अनुष्ठान हो रहा है। जन कल्याण के उद्देश्य से हो रहे इस यज्ञ की पूर्णाहुति कल डाली जाएगी।
उपमंडल स्तर पर स्थापित कंट्रोल कक्ष 24 घंटे खुला रहेगा ताकि आपदा से त्वरित प्रभाव से निपटा जा सके।य ह जानकारी उपमंडल अधिकारी देहरा शिल्पी बेक्टा ने आज उपमंडल कार्यालय में हुए बैठक में दी।उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए आवश्यक उपकरण जोकि उपायुक्त महोदय कांगड़ा स्थित धर्मशाला के कार्यालय से उपमंडल को उपलब्ध करवाए जायेंगे। जल स्त्रोतों की हो सफाई और डीसिल्टिंग उपमंडल अधिकारी ने कहा की आगामी वर्षा ऋतु से पूर्व उपमंडल स्तर के सभी क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी देहरा , प्रागपुर , नगरोटा सूरियां और नगर परिषद देहरा के माध्यम से नदी , नालों, कुहलो,चेक डैम और अन्य प्राकृतिक जल स्त्रोतों की साफ सफाई सुनिश्चित की जाए। उपमंडल स्तर पर जेसीबी मशीनों की मैपिंग एसडीएम ने विभागों को निर्देश दिए की आपात स्थिति में उपयोग में आने वाली सभी मशीनरी जो भी विभागों के पास उपलब्ध है की सूची तैयार रखे और 27 जून से पूर्व एसडीएम कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करे। सक्षम सूचना तंत्र हो विकसित एसडीएम देहरा ने बैठक में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए की बरसात की ऋतु से पूर्व पूरे उपमंडल में स्थानीय जनता तक सूचनाओं और संदेशों को पहुंचाने का मजबूत सूचना तंत्र तैयार किया जाए।उन्होंने कहा की मौसम विभाग द्वारा जारी मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी नियमित तौर पर लोगो तक पहुंचाने के लिए भी उपयुक्त कदम उठाए जाए। सचेत ऐप का करे उपयोग एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए की बरसात की ऋतु के समय उपमंडल की स्थानीय जनता को सचेत ऐप का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने हेतु प्रेरित करे। एसडीएम ने बैठक में सभी तहसीलदार नायब तहसीलदार को निर्देश देते हुए कहा की बारिश के मौसम में बाढ़ तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास कैंप लगाने के लिए भी पहले से स्थान निश्चित करके रखे।उन्होंने कहा की आपदा के समय में तुरंत प्रभाव से स्थान चुनना और वहां व्यवस्थाएं करना कठिन होता है इसलिए रिलीफ कैंप के लिए स्थान पहले से निर्धारित होना चाहिए।
नशा मुक्त हिमाचल अभियान के अंतर्गत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आज नशे के खिलाफ डीएवी पब्लिक स्कूल देहरा के छात्र व छात्राओ द्वारा देहरा बाजार में रैली निकाली गई। इस अवसर पर पुलिस विभाग से एसएचओ संदीप पठानिया और तहसील कल्याण अधिकारी आदर्श शर्मा ने बच्चो को नशे से कैसे बचा जा सकता है के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान स्कूल के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
लोटस इंटरनेशनल कान्वेंट स्कूल में शनिवार को कार्टून मेकिंग और बेस्ट फ्रॉम वेस्ट गतिविधि करवाई गई। कार्टून मेकिंग में कक्षा तीसरी से पांचवी के विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं दूसरी और कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बेस्ट फ्रॉम वेस्ट गतिविधि में भाग लिया। उन्होंने कार्ड बोर्ड, फूल पत्तों , धागों से पुराने समाचार पत्रों को सुंदर आकार देकर जैसे फूलदान, चौक बॉक्स, बुक्शेल्फ आदि चीजें बनाएं जिन्हें देखकर सभी दंग रह गए। अंत में स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने सभी विद्यार्थियों की प्रशंसा की।
पालमपुर। उपमंडल के सलोह में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी ग्रामीण एवं कृषि विकास बैंक के चेयरमैन संजय सिंह चौहान के सौजन्य से शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पुण्य जयंती मनाई गई। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुलह के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जिलाध्यक्ष रिसर्च विभाग सिरिल चंद्र ने कहा कि वीरभद्र सिंह एक कर्मठ, ईमानदार व सशक्त नेतृत्व के स्वामी थे। अप्रैल 1983 में पहली बार मुख्यमंत्री बनने बाद वीरभद्र सिंह ने हर पल प्रदेश को उन्नति की राह पर चलाया। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अरुण राणा ने कहा कि वीरभद्र सिंह केवल मुख्यमंत्री ही नहीं थे, बल्कि गरीबों के लिए एक वरदान भी थे। राजा साहब न केवल प्रदेश कांग्रेस बल्कि राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए एक प्रेरणा स्त्रोत थे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रिसर्च विभाग सिरिल चंद्र, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अरुण राणा, पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष बलदेव सिंह, अनुसूचित जाति के अध्यक्ष रविंद्र कुमार, जिला कांग्रेस कमेटी के धर्म सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी से अशोक कुमार, जिला प्रवक्ता बाल किशन, प्रमोद कुमार, उप प्रधान रमेश चंद, अमन ठाकुर, लवली कटोच, प्रधान कर्म चंद, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सन्नी बलारू, महिंद्र पटियाल, भाग सिंह सहित कई उपस्थित थे।
शनि मंदिर हरिपुर में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का जन्म दिवस विकास दिवस के रूप में मनाया गया। इस आयोजन में डॉ राजेश शर्मा कोषाध्यक्ष हिमाचल प्रदेश कांग्रेस, नरदेव कंवर प्रदेश अध्यक्ष मत्स्य विभाग, हिमाचल कांग्रेस व हरिओम शर्मा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देहरा उपस्थित रहे। इस मौके पर उपस्थित लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह को भावविनी श्रद्धांजलि अर्पित की व प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने वीरभद्र सिंह की जीवनी व विकास कार्यों पर प्रकाश डाला। पुष्प रैणा महासचिव ब्लॉक पंचायती राज ने पूर्व मुख्यमंत्री को समर्पित एक बहुत ही अच्छी कविता उपस्थित लोगों को सुनाई। इस मौके पर नरदेव कंवर ने बताया कि देहरा बनखंडी दरकाता के चिड़ियाघर के लिए स्वीकृत 500 करोड़ की राशि में से 260 करोड़ की राशि सरकार द्वारा पहले किस्त के रूप में रिलीज कर दी गई है। प्रागपुर में गोल्फ कोर्स का काम भी शीघ्र लगने वाला है। केंद्र यूनिवर्सिटी का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। डॉ राजेश ने 2024 के लोकसभा चुनाव में आज से ही तैयारी करने का आग्रह किया। हरिओम शर्मा ने इस मौके पर बताया कि सुख की सरकार जन-जन के द्वार कार्यक्रम देहरा में शुरू कर दिया गया है। जिसमें हर पंचायत बूथ पर जाकर लोगों की समस्याएं सुनी जा रही है तथा उन्हें मौके पर भी निपटने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही बूथ कमिटीयो का भी पुनर्गठन किया जा रहा है। जो काम 5 जुलाई 2023 से पहले पहले पूरा किया जाएगा। इस उक्त कार्य में नरदेव कंवर व डॉक्टर राजेश ने पूरे सहयोग की घोषणा की। इस अवसर पर जिला महासचिव इंद्र शर्मा ब्लॉग कांग्रेस के संगठन, मंत्री पवन कुमार, इंदिरा देवी, जोगेंद्र राजकुमार, किरण गुलेरी, यशपाल महाजन, इस्लामुद्दीन, पुष्पेंद्र ठाकुर उपाध्यक्ष मत्स्य विभाग हिमाचल कांग्रेस उपस्थित रहे।
21.06.23 को 14वीं वाहिनी, एनडीआरएफ नूरपुर जिला कांगडा हिमाचल प्रदेश के कैम्प 2 परिसर एवं इस वाहिनी के अंतर्गत आने वाले सभी टीपीएल नालागढ़, रामपुर बुशहर, मंडी व सलापड़ में बलजिंदर सिंह सेनानी, 14वीं वाहिनी, एनडीआरएफ के मार्ग दर्शन में 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें वाहिनी के सभी पदाधिकारियों ने भाग लिया। योग के आयोजन का उदे्श्यप स्वस्थ रहने के लिए प्रतिस्पमर्धा की भावना पैदा करना व मानव के कई प्रकार के विकारो को दूर करना है। अंत में बलजिंदर सिंह सेनानी, 14वीं वाहिनी, एनडीआरएफ ने सम्बोधित करते हुए कहा कि हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीवय योग दिवस पूरी दुनिया में मनाया जाता है। योग हमारे भारत की पहचान है, जो सदियों से भारत में किया जाता है। भारत की पहल के बाद योग को अंतरराष्ट्रीयय दर्जा मिला है और इसे पूरी दुनिया ने अपनाया है। योग आपको मानसिक आध्याैत्मिक और शारीरिक रूप से स्वअस्थ बनाने का एक तरीका है। योग सीख कर अपनी आत्मा और शरीर की सुंदरता को बनाए रखा जा सकता है। योग ही एक ऐसा माध्य म है जिसको नियमित रूप से करके हम अपने शरीर को बिना कोई चिकित्सा की सहायता लिए स्वस्थ रख सकते है। अगर यह रोज सुबह नियमित तौर पर किया जाए तो योग हर तरह के उपचार एवं चिकित्सात से भी ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है। इस दौरान योग दिवस में भाग लेने वाले पदाधिकारियों को इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्सााहित किया गया।
हिमाचल प्रदेश की सरकार आम जनता को धीमी गति से लूटने का हर प्रयास कर रही है। पिछले कुछ दिन पहले एक अधिसूचना के माध्यम से राजस्व विभाग में इंतकाल दर्ज करने की फीस में 50 गुणा से ढाई सौ गुणा बढ़ोतरी और छोटे-छोटे कामों के लिए तहसील के फार्मो पर लगने वाला कोर्ट फीस 3 और 6 से ₹20 कर दिया गया है। कांग्रेस सरकार बड़ी-बड़ी वायदे लेकर सत्ता में आई थी पर अभी तक किसी भी महिला को 1500 रुपए की पेंशन नहीं लग पाई है। कांग्रेस जब से सत्ता में आई है तब से लूट तंत्र आम जनता पर हावी हो गया है, यह बात भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री एडवोकेट अभिषेक पाधा ने कही। उन्होंने कहा कि जमीन के इंतकाल दर्ज होने की फीस की बढ़ोतरी इतिहास में सबसे बड़ी बढ़ोतरी है, जहां मृतक पिता की विरासत को लेने के लिए भी लोगों को सरकार को 200 रुपए देने पड़ेंगे और जिस आदमी ने जमीन खरीदी होगी वह सरकार को भारी-भरकम रजिस्ट्रेशन फीस स्टांप ड्यूटी अदा करने के बावजूद 500 रुपए तक राशि अदा करेगा और तो और रोजमर्रा के काम में आने वाले छोटे स्टांप पेपर की छपाई बंद कर, ई स्टांपिंग को बढ़ावा देने की बात तो की है परंतु हिमाचल प्रदेश जैसे दूरदराज के क्षेत्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी ठीक ना होने की वजह से लोगों की परेशानियां भी बढ़ेगी और स्टांप छपाई के लिए उन्हें अतिरिक्त व्यय भी करना पड़ेगा। यह सारे निर्णय आम जनता के विश्वास के साथ कुठाराघात है और भाजपा हर स्तर पर गलत निर्णयों का विरोध करेगी।
जयसिंहपुर के पूर्व विधायक रविंद्र धीमान ने महाजन संपर्क अभियान के तहत लाहडू के बूथ कूहण, लाहडू ,भूलंदर में लोगों के साथ बैठक की जिसमें रविंद्र धीमान ने केन्द्र सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के बारे में जानकारी दी। रविंद्र धीमान ने बताया कि आज जो भी प्रदेश में जन कल्याणकारी योजना चल रही है उन सभी योजनाओं में केन्द्र सरकार की अहम भूमिका को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने बैठक में केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनाने की अपील की।
खण्ड विकास कार्यालय इंदौरा के अंतर्गत विभिन्न कर्मचारियों के 10 पद रिक्त चल रहे हैं। जिससे कार्यों के क्रियान्वयन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है। यह विषय विधायक व पंचायती राज विभाग तथा विकास खण्ड इंदौरा के अंतर्गत कनिष्ठ अभियंताओं, तकनीकी सहायकों, पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सेवकों व कार्यालय स्टाफ की बैठक के दौरान विधायक मलेंद्र राजन के ध्यान में लाया गया। बैठक में एस.डी.एम. इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, बी.डी.ओ. इंदौरा सुदर्शन सिंह, जिला परिषद परवीन कुमार मिंदा, पूर्व जिला परिषद व कांग्रेस मंडलाध्यक्ष दविंद्र मनकोटिया विशेष रूप से सम्मिलित हुए। इस दौरान विधायक, एस.डी.एम. अथवा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के माध्यम से आई शिकायतों का क्या निवारण किया गया है अथवा कारवाई कहाँ तक हुई है, इस बारे में न केवल कर्मचारियों से पूछताछ की गई, बल्कि उन्हें उक्त समस्याओं का एक माह के अंदर - अंदर समाधान करने के निर्देश दिए गए। विकास खण्ड इंदौरा में ग्राम रोजगार सेवक के 6 पद, तीन पद तकनीकी सहायकों के व एक पद सी.ओ. का रिक्त चल रहा है। वहीं विकास खण्ड के अंतर्गत पिछले कई माह से पैसे जमा करवाने के बावजूद भी हिमऊर्जा द्वारा सौर उर्जा चालित लाइट्स उपलब्ध नहीं करवाई जा रहीं, यह विषय भी विधायक के ध्यान में लाया गया। विधायक ने दो टूक कहा कि कर्मचारी रसूखदारों को लाभ दिलाना बंद करें और केवल पात्र लोगों की समस्याओं पर ध्यान दें, यही व्यवस्था परिवर्तन उनकी सरकार का लक्ष्य है।


















































