वन रैंक वन पेंशन पार्ट-2 की विसंगतियों के कारण खफा देशभर के पूर्व सैनिक भूख हड़ताल पर है। मंडी जिला मुख्यालय पर स्थित सेरी चाणनी परिसर में भी सैकड़ों पूर्व सैनिक भूख हड़ताल में शामिल हुए। वहीं हर उपमंडल और पंचायत स्तर पर भी इन भूख हड़तालों का आयोजन किया गया। पूर्व सैनिक संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष कैप्टन हेत राम शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में 1 लाख 26 हजार पूर्व सैनिक, 6 हजार वीर नारियां और 21 हजार विधवाओं को सैन्य पेंशन मिलती है। लोकसभा और राज्यसभा में संवैधानिक रूप से पारित वन रैंक वन पेंशन योजना को कोशियारी कमीशन की शर्तों के अनुसार असली प्रारूप में लागू नहीं किया गया। इसकी वजह से अन्य रैंक्स और विधवाओं को तो पहले से ही पेंशन कम मिल रही थी लेकिन अब इसके पार्ट-2 से पेंशन बढ़ने के बजाय कम हो गई है।
प्रदेश के युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने 'राजीव गांधी स्वरोजगार योजना-2023 शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य विशेष रूप से हरित क्षेत्र से संबंधित नई परियोजनाओं को प्रोत्साहन प्रदान करना है। हिमाचल में स्वरोजगार, स्थानीय उद्यमशीलता और राज्य के मजबूत आर्थिक विकास की परिकल्पना इस योजना में की गयी है। यह योजना नवीन विचारों, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी और एक औद्योगिक पारिस्थितिकीय तंत्र के लिए मार्ग प्रशस्त करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इस योजना के माध्यम से 18 से 45 वर्ष की आयु के योग्य युवाओं को नए औद्योगिक उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन, रियायतें और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। महिला आवेदकों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट प्रदान की गई है। योजना के अन्तर्गत बैंक परियोजना लागत का 90 प्रतिशत सावधि या समग्र ऋण के रूप में प्रदान करेंगे, जबकि 10 प्रतिशत व्यय लाभार्थी द्वारा वहन किया जाएगा। योजना के तहत पात्र आवेदक को संयंत्र और मशीनरी या उपकरण इत्यादि के लिए अधिकतम 60 लाख रुपये के निवेश पर 25 प्रतिशत उपदान प्रदान किया जाएगा। कार्यशील पूंजी सहित कुल परियोजना लागत एक करोड़ रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के लिए निवेश उपदान की सीमा 30 प्रतिशत होगी, जबकि महिलाओं एवं दिव्यांगजन लाभार्थियों के लिए यह सीमा 35 प्रतिशत निर्धारित की गई है। ई-टैक्सी, ई-ट्रक, ई-बस, ई-टेेंपो की खरीद के लिए सभी पात्र श्रेणियों के लिए निवेश उपदान की सीमा 50 प्रतिशत निर्धारित की गई है। उपदान के लिए पात्र घटक विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों में बांटे गए हैं। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार द्वारा बजट में 10 करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड आवंटित किया गया है। योजना के अन्तर्गत एक परिवार से केवल एक व्यक्ति आर्थिक सहायता का लाभ उठा सकता है। योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदकों को विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध पोर्टल पर एक सामान्य आवेदन पत्र जमा करना होगा। यह योजना राज्य में एक उद्यम आधारित परिवेश स्थापित करने पर केंद्रित है। उद्यमों को बैंक से ऋण की पहली किस्त प्राप्त करने के दो साल के भीतर वाणिज्यिक उत्पादन शुरू करना आवश्यक है। योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक को हिमाचली प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आयु प्रमाण और प्रारंभिक परियोजना रिपोर्ट जैसे दस्तावेज़ अपलोड करने होंगे। राजीव गांधी स्वरोज़गार योजना-2023 के कार्यान्वयन के माध्यम से प्रदेश सरकार राज्य में उद्यमशीलता को बढ़ावा प्रदान कर रही है। योजना के अन्तर्गत परियोजना लागत का अधिकांश हिस्सा बैंक प्रदान करेंगे जबकि लाभार्थी को आंशिक वित्तीय योगदान ही करना होगा। स्वरोज़गार और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देते हुए राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार प्रदाता बनने के अवसर प्रदान करना है ताकि वे आर्थिक विकास के साथ-साथ हिमाचल के समग्र विकास में योगदान दे सकें। इस योजना के माध्यम से नए विचारों, प्रौद्योगिकी और नवाचारों का समावेश सुनिश्चित कर हरित क्षेत्रों पर आधारित परियोजनाओं को प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का कहना है कि राजीव गांधी स्वरोजगार योजना केवल एक वित्तीय सहायता कार्यक्रम भर नहीं है अपितु यह हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास और समृद्धि के लिए उत्प्रेरक का कार्य करेगी, जो लाभार्थियों को सफल उद्यमी बनने और राज्य की प्रगति में योगदान करने के लिए सशक्त बनाएगी। यह योजना निश्चित रूप से स्वरोजगार और उद्यमिता की शक्ति के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के एक उज्ज्वल और हरित भविष्य के निर्माण की परिकल्पना को साकार करेगी।
चंबा जिले में चंबा-तीसा मार्ग पर 108 एंबुलेंस अनियंत्रित होकर 100 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक फार्मासिस्ट की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल चालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक फार्मासिस्ट की पहचान आयूब खान पुत्र लाला दीन निवासी गांव जसूह तहसील चुराह के तौर पर हुई है। वहीं, चालक की पहचान प्रमोद निवासी तीसा के तौर पर हुई है। हादसा ईंड नाला के पास पेश आया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हादसे के समय एंबुलेंस मरीज को चंबा अस्पताल छोड़कर वापस लौट रही थी। इसी दौरान बीच रास्ते में एंबुलेंस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। एंबुलेंस की गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत घायलों को उठाकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां आयुब खान ने घावों की ताव को न सहते हुए दम तोड़ दिया। घायल चालक प्रमोद कुमार की हालत में सुधार बताया गया है। हादसे की पुष्टि एसपी चंबा अभिषेक यादव ने की है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की मनाही के बावजूद बिजली बोर्ड कर्मियों के वेतन से फिर एनपीएस शेयर कट गया है। पुरानी पेंशन बहाली के इंतजार में बैठे 6,500 कर्मचारियों को लगातार दूसरे माह भी राहत नहीं मिली है। इसी कड़ी में सोमवार को बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस शिमला में सभी कर्मचारी यूनियनों की एक संयुक्त बैठक होने जा रही है। इस बैठक में बोर्ड प्रबंधन के खिलाफ आगामी रणनीति बनाई जाएगी। बीते दिनों मुख्यमंत्री सुक्खू ने कर्मचारी यूनियन के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान जून के वेतन से एनपीएस शेयर नहीं कटने का आश्वासन दिया था। मुख्यमंत्री ने बोर्ड प्रबंधन को भी इस बाबत निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शनिवार को जारी हुए वेतन से एनपीएस का शेयर काटा गया है। इसको लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है।
हिमाचल के निजी और सरकारी कॉलेजों में नए सत्र में प्रवेश के लिए शुरू हुई ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया में इस बार यूजीसी ने एंटी रैगिंग शपथ पत्र भरना अनिवार्य कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में अलग से हर छात्र को एंटी रैगिंग शपथ पत्र भरना ही होगा। इसके बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। हालांकि, शपथ पत्र को भरने को लेकर छात्र कुछ परेशान भी हो रहे हैं। इसमें कुछ सवालों और जानकारी को भरने में छात्रों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसमें कॉलेज का नाम, प्राचार्य या निदेशक का नाम, कॉलेज का फोन नंबर, कोर्स के ईयर के साथ ही कक्षा या कोर्स में कुल छात्र-छात्राओं की संख्या जैसे कॉलम भरने अनिवार्य किए गए हैं। कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले सभी छात्रों को शपथ पत्र में मांगी हर जानकारी संबंधित कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाए गए प्रोस्पेक्टस में मिल जाएगी। छात्रों को ऑनलाइन फॉर्म भरने से पूर्व प्रोस्पेक्टस से पूछी जाने वाली जानकारी को नोट करना होगा, ताकि ऑनलाइन शपथ पत्र भरते हुए मांगी जानकारी लिख सके।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का गठन जिस समय हुआ, उसी समय यह बात तय हुई थी कि केंद्र सरकार हिमाचल को लगातार लिबर्टी दिखाते हुए, उदारता दिखाते हुए मदद करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी केंद्र सरकार से मांग है कि केंद्र हिमाचल की देवभूमि को पहाड़ी राज्य को उदारता से मदद करे। उन्होंने कहा कि हम हिमाचल को आर्थिक रूप से निर्भर बनाने के लिए वचनबद्ध हैं, इसके लिए हम काम भी कर रहे हैं, लेकिन केंद्र को हिमाचल की उदारता से मदद करनी चाहिए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हम लगातार केंद्र के समक्ष अपने मुद्दे उठा रहे हैं, योजनाओं क उठा रहे हैं। हिमाचल के विकास के लिए लगातार संपर्क कर रहे हैं और कांग्रेस की सरकार हिमाचल के विकास के लिए वचनबद्ध है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल के जो पड़ोसी राज्यों के साथ मसले हैं उनको प्रदेश की सरकार उठा रही है,क्योंकि हम गंभीरता से उन मसलों को हल करना चाहते हैं। यह मसले वर्षों से हल नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पर 7.19 प्रतिशत हिमाचल प्रदेश का हिस्सा है, इसलिए यह हिस्सा हिमाचल को मिलना चाहिए, यह हमारा अधिकार है। उन्होंने कहा कि पंजाब अपना अधिकार बताएं हमें आपत्ति नहीं है लेकिन जब चंडीगढ़ बना तभी से इस बात को कहा गया कि 7.19 प्रतिशत हिस्सा हिमाचल प्रदेश का है। हमारा बिजली में भी है, पानी में भी है और हमारा हिस्सा चंडीगढ़ में भी है। उन्होंने कहा कि अभी शानन प्रोजेक्ट की लीज खत्म हो रही है तो हिमाचल में यह प्रोजेक्ट हिमाचल को शिफ्ट होना है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल का जो अधिकार है वह लेकर रहेंगे, उसके लिए आवाज उठाएंगे। हर संभव लड़ाई लड़नी पड़ी तो लड़ाई लड़ेंगे, लेकिन हिमाचल का हक लेकर रहेंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इसके लिए हमारे वरिष्ठ मंत्री चंद्र कुमार के नेतृत्व में कैबिनेट की कमेटी बनी है वह पूरे मसले पर अपनी रिपोर्ट देगी उसके बाद हम आगे की कार्रवाई करेंगे। कहा कि हम अपने आर्थिक संसाधन बढ़ाना चाहते हैं ,इसलिए वाटर सैस लगाया है बहुत सी कंपनियां देने के लिए तैयार हैं, हम कम्पनियों से वार्ता करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र ने बीबीएमबी में पानी उठाने को लेकर एनओसी की शर्त हिमाचल के लिए खत्म की है अच्छा निर्णय, सराहनीय निर्णय, हम अपना पानी प्रयोग कर सकते हैं ,हमारी अनेक योजनाएं बननी है पानी की। मुकेश ने कहा कि पोंग डैम से ऊना के लिए पानी उठाना है।बीत एरिया की योजना बननी है, अनेक अन्य योजनाएं हैं जिनको हम सफलता के साथ आगे बढ़ाएंगे और जल शक्ति तो हिमाचल में प्रथम हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बरसात से नुकसान हो रहा है यह हर बरसात में होता है,प्रयास रहता है कि कम से कम हो लेकिन बरसात से सबसे ज्यादा पानी व सिंचाई की योजनाओं को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारियों को फील्ड में जुटने को कहा गया है ताकि बिना देरी जो नुकसान हुआ है उसको ठीक भी किया जा सके। नुकसान जो हुआ है इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर केंद्र को भी भेज दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुस्तैद है और जनता को राहत देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां जहां पानी की दिक्कत बरसात के कारण आ रही है योजनाओं को नुकसान हुआ है सिल्ट आई है, उस सब को ठीक करने का काम प्राथमिकता पर किया जा रहा है। सेब पर आयात शुल्क कम करने से बागवानों को नुकसान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह कहते थे कि हिमाचल के फलों का,सेब का रस हर जूस के उत्पाद में प्रयोग होना चाहिए, इसके रस को आगे बढ़ाने की बात करते थे,कहां अब विदेश गए तो वाशिंगटन सेब कर आयात शुल्क कम कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश में बहुत बड़ी आर्थिकी सेब है,बागवान इस पर मेहनत करते हैं। ऐसे में बागवानों को नुकसान होगा। प्रदेश की सरकार यह मसला केंद्र के समक्ष उठा रही है और हम इस मसले को पुरज़ोर ढंग से उठाएंगे। बागवान को नुकसान नहीं होना चाहिए।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्षा नेटा डिसूजा के आदेशानुसार आज राजीव भवन शिमला में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव एवं हिमाचल प्रदेश की प्रभारी सुनीता सेहरावत ने हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल की अध्यक्षता में सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिलाध्यक्षों व कार्यकारिणी के सदस्यों तथा प्रदेश के सभी कार्यकारिणी के सदस्यों से बैठक की। इस बैठक में महिला कांग्रेस की गतिविधियों और संगठन को सुदृढ़ करने के बारे में तथा आगामी लोकसभा चुनाव में दी जाने वाली जिम्मेदारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह 2 जुलाई से 3 दिवसीय रोहड़ू व रामपुर विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर रहेंगी। प्रतिभा सिंह के राजनीतिक सचिव अमित पाल सिंह ने बताया है कि कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह 2 जुलाई को सुबह 10.30 बजे शिमला से रोहड़ू के लिये प्रस्थान करेंगी। इस दौरान लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ रोहड़ू स्टेडियम में ग्रीन हिमायलन एसोसिएशन द्वारा आयोजित महिलाओं के सांस्कृतिक उत्सव में शिरकत करेंगी। इस दिन रात्रि विश्राम रामपुर रहेगा। 3 जुलाई को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ प्रतिभा सिंह 9. 30 बजे तकलेच,12 बजे देवठी में जनसभाओं को सम्बोधित करेंगी। दोपहर बाद 1 बजे श्राइ कोटी मंदिर में प्रतिष्ठा में भाग लेंगी व बाद में यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी। इसके उपरांत डारण, मश्णु,दोफड़ा, डोबी,गौरा व रचोली होते हुए रामपुर लौट आएंगी। रात्रि विश्राम रामपुर ही रहेगा। 4 जुलाई को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के साथ प्रतिभा सिंह सुबह 9 बजे रामपुर से पांडाधार-नागधार होते हुए ननखड़ी में एक जनसभा को संबोधित करेंगी। शाम 4 बजे शिमला को रवाना होंगी।
विधानसभा जयसिंहपुर के तहत ब्लॉक पंचरुखी की ग्राम पंचायत लदोह में आज स्थानीय विधायक यादविंदर गोमा ने न्याय कक्ष का उद्घाटन किया। जानकारी देते हुए पंचायत प्रधान अनिता कुमारी ने बताया कि पंचायत घर के ऊपर वाले कक्ष में 4 लाख 38 हजार की लागत से यह न्याय कक्ष बनाया गया है। प्रधान ने विधायक के समक्ष कुछ पंचायत की मांगें रखीं, जिसे विधायक ने उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान के साथ बीडीओ पंचरुखी शिखा समित्या के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारीयों के साथ पंचयात के सभी सदस्यों व स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने आज नगर निगम सोलन के पांच नवनियुक्त मनोनीत पार्षदों को शपथ दिलाई। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने मनोनीत पार्षद विजय ठाकुर पुत्र रत्न सिंह ठाकुर निवासी मोटर मार्केट दयोंघाट वार्ड नंबर 1, दीपा सुपुत्री नरेेंद्र कुमार निवासी क्लीन वार्ड नंबर 13, रजत थापा पुत्र अर्जुन थापा निवासी चामुंडा कालोन वार्ड नंबर 3, पुनित नारंग निवासी नारंग हाउस वार्ड नंबर 5 तथा गुरप्रीत सिंह सुपुत्र बलविंदर सिंह निवासी सोनू कोटेज सपरुन से मनोनीत पार्षद के रूप में शपथ दिलाई। डॉ. शांडिल ने सभी मनोनीत पार्षदों को बधाई देते हुए आशा जताई कि मनोनीत पार्षद नगर निगम सोलन के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोगी बनेंगे। उन्होंने कहा कि सोलन को स्वच्छ बनाना नगर निगम का दायित्व है। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों एवं जन-जन के सहयोग से ही सोलन शहर को देश के बेहतर स्वच्छ शहरों में से एक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों का यह कर्तव्य है कि सोलन शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाए ताकि सोलन शहर पूरे प्रदेश में स्वच्छता के लिए पहचाना जाए। उन्होंने कहा कि पार्षद अपने-अपने वार्ड में विकास के कार्य योजनाबद्ध तरीके से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि लोगों की मांग व आवश्यकतानुसार रास्तों तथा स्ट्रीट लाईटों का निर्माण करवाएं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को घर-द्वार पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, जिसके लिए सभी पार्षदों का साथ आवश्यक है। इस अवसर पर जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ज़िला कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष शिव कुमार, नगर निगम के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, पूजा, संगीता ठाकुर तथा ईशा, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राहुल ठाकुर, सुरेंद्र सेठी, जिला कांग्रेस के प्रवक्ता अमन सेठी, खण्ड कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष अंकुश सूद, जिला कांग्रेस व्यापार मण्डल प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जतिन साहनी, कांग्रेस समिति के मीडिया पैनालिस्ट शोभित बहल, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी, नगर निगम सोलन के आयुक्त ज़फ़र इकबाल, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन अजय यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
राजकीय महाविद्यालय कंवर दुर्गा चंद जयसिंहपुर में नशीली दवाओं का दुरुपयोग व नशा तस्करी के बारे में विद्यार्थियों द्वारा आम मानस को जागरूक करने हेतु पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग के साथ रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल ने की। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रखने और एक सर्वगुण संपन्न व्यक्तिव बनाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे अपनी भागीदारी समाज कल्याण व नशे से मुक्त समाज बनाने में निभाएं और एक नशामुक्त व समृद्ध राष्ट्र का निर्माण करने में सहयोग दें। कार्यक्रम में डॉ. सुरजीत सिंह राणा डॉ. अर्पित कायस्था, प्रो. ओंकार, प्रो. इंदर, प्रो. विजय, प्रो. किरण शर्मा, डॉ. खुशी राम भगत, प्रो. रजनी, प्रो. संतोश कुमारी, रणजीत सिंह, तृप्ता देवी, मनदीप के अलावा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के छात्र पायल, दिव्या, इतीका साहिल अतिविशाल, अभय, अरुण, सानीया रुचि, कनिका तनीशा अंबिका आदि ने भाग लिया।
भाजपा के जनसंपर्क अभियान के तहत आज भाजपा सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने चौड़ा मैदान बाजार में लोगों से संपर्क साधा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी दुकानदारों, स्थानीय निवासियों से संपर्क किया और उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर एक पत्रक, पुस्तक और स्टिकर का वितरण भी किया। कर्ण नंदा ने कहा कि केंद्रीय में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के 9 वर्ष बेमिसाल रहे हैं और नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के रूप में भारत को एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रयासों से आज भारत विश्व के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक बनकर उभरा है और आने वाले समय में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। शिमला शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में केंद्र सरकार में बहुत बड़ी सौगात दी है। हाल ही में केंद्र सरकार की ओर से 34 करोड़ 57 लाख रुपये की राशि शिमला के जारी की गई है, इससे स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट को गति मिलेगी। शिमला शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम ने 2900 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट तैयार किए हैं। नंदा ने कहा कि एक बात का दुख है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार बदला बदली की भावना से कार्य कर रही है। कांग्रेस सरकार ने पूर्व जयराम ठाकुर सरकार का एक और बड़ा फैसला पलट दिया है यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हाल ही में हुई कैबिनेट की बैठक में सोलन जिला के सुबाथू और बिलासपुर जिला के डांगर कॉलेज का अधिग्रहण रद्द कर दिया गया है। इस फैसले के बाद डांगर कॉलेज को लेकर अधिसूचना भी जारी हो गई है। अगर गौर से देखा जाए तो वर्तमान सरकार ने 2 साल बाद डांगर कॉलेज की नोटिफिकेशन को वापस लिया है। वर्तमान सरकार को सकारात्मक रूप से कार्य करना चाहिए न कि पूर्व सरकार के किए गए विकास कार्यों को रोकने का प्रयास करना चाहिए।
धर्मशाला में आयोजित पत्रकार वार्ता में हिमाचल प्रदेश होटल और रेस्तरां एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी बाबा ने कहा है कि अक्तूबर में होने वाले आईसीसी विश्व कप के 5 मैच धर्मशाला में खेले जाएंगे। यह प्रतिष्ठित खेल आयोजन न केवल दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों को लुभाएगा, बल्कि स्थानीय पर्यटन उद्योग, रोजगार के अवसरों और समग्र आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण लाभ भी लाएगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला हिमाचल प्रदेश के शांत और मनमोहक पहाड़ों में बसा, पहले से ही एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक आभा और जीवंत सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध है। आईसीसी विश्व कप मैचों के लिए मेजबान शहर के रूप में धर्मशाला का चयन एक वैश्विक खेल और पर्यटन केंद्र के रूप में शहर के बढ़ते कद का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इन क्रिकेट मैचों के दौरान न केवल हिमाचल प्रदेश से, बल्कि पूरे विश्व से लोग क्रिकेट मैच को देखने के लिए धर्मशाला में पहुंचेंगे ऐसे में पर्यटन करोबार को भी इसका सीधा सीधा फायदा पहुंचेगा। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान क्रिकेट प्रेमियों, टीमों और अधिकारियों की आमद से स्थानीय आतिथ्य उद्योग को जबरदस्त बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में होटल, रिसॉर्ट्स और गेस्ट हाउस असाधारण सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार हैं। इसके अलावा, आईसीसी विश्व कप मैच न केवल क्रिकेट प्रशंसकों को आकर्षित करेंगे, बल्कि दुनिया भर के यात्रियों का ध्यान भी आकर्षित करेंगे, जिससे धर्मशाला अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में आ जाएगा। अश्वनी बाबा ने कहा कि धौलाधार पर्वत शृंखला, आकर्षक मठ, भागसू जलप्रपात और शांत डल झील सहित अपने सुरम्य परिदृश्यों के साथ, धर्मशाला प्राकृतिक सुंदरता, आध्यात्मिक अन्वेषण और रोमांच की तलाश करने वाले पर्यटकों के लिए एक अनूठा अनुभव प्रदान करता है।
शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में शनिवार को बॉलीवुड स्टार गोविंदा पत्नी सुनीता के साथ मां की पावन पिंडी के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद लेने पहुंचे। चिंतपूर्णी मंदिर के बारीदार सभा के प्रधान रविंद्र शिंदा ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण करके पूजा-अर्चना करवाई। वहीं उनको माता की चुनरी और चित्र भेंट स्वरुप दिया। इस दौरान गोविंदा ने पत्नी सुनीता के साथ मिलकर मंदिर परिसर में स्थित पावन वटवृक्ष को मौली का धागा बांधा और हवन कुंड में आहुतियां डालकर सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान गोविंदा ने अपने फैंस के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। गोविंदा इससे पहले भी हर साल मां के दरबार में हाजिरी भरने के लिए आते रहे हैं।
पर्यटन क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नए बदलाव महसूस किए जा रहे हैं। आज देश-विदेश से आने वाले पर्यटक प्राकृतिक नजारों के आसपास अपना प्रवास पसंद करते हैं। इसी के दृष्टिगत प्रदेश सरकार ने हिमाचल में स्थित झीलों, जलाशयों सहित अपने अन्य प्राकृतिक संसाधन एवं गंतव्य स्थल पर्यटकों के लिए और आकर्षक बनाने की पहल की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में राज्य सरकार झीलों एवं जलाशयों के आस-पास 'लेक टूरिज़्मÓ विकसित करने की कार्य योजना पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नैसर्गिक सौन्दर्य से परिपूर्ण झीलों से पर्यटकों को आकर्षित करेगी। इसके तहत ज़िला कांगड़ा के पौंग बांध, कोल डैम जलाशय, तत्तापानी के गर्म पानी के चश्मे, ज़िला बिलासपुर में भाखड़ा जलाशय, कुल्लू-मनाली के समीप लारजी जलाशय और चंबा में चमेरा बांध जलाशयों में जल आधारित पर्यटन गतिविधियों जैसे हाउस बोट, क्रूज़ और यॉच इत्यादि के संचालन को बढ़ावा प्रदान किया जाएगा। राज्य सरकार कृत्रिम जलाशयों को अभिनव पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कार्य कर रही है। प्रदेश में पर्यटकों की यात्रा को अविस्मरणीय बनाने के लिए उन्हें जल क्रीड़ा गतिविधियां, मछली पकड़ने, पक्षी देखने, पर्यावरण-पर्यटन गतिविधियों आदि जैसी साहसिक पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त कला एवं शिल्प केंद्र, शॉपिंग आर्केड और फूड-स्ट्रीट की सुविधा भी प्रदान की जाएगी, जो पर्यटकों को एक अच्छा अनुभव प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य पर्यटकों को विभिन्न प्रकार के यादगार अनुभव प्रदान करने के अलावा उनकी यात्रा अवधि को और अधिक बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कृत्रिम जलाशयों के आस-पास पर्यटन बढ़ने से स्थानीय लोगों को होम स्टे, रेस्तरां, रिजॉर्ट्स और होटल इत्यादि स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा जिससे उनकी आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि इन साहसिक गतिविधियों के संचालन के लिए नियम इत्यादि भी तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिला प्रशासन को एक से दो किलोमीटर तक फैली कृत्रिम झील बनाने के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, नगरोटा में एक वेलनेस सेंटर, आकर्षक झरनों के साथ एक कृत्रिम झील की स्थापना के लिए 5.75 हेक्टेयर भूमि की पहचान भी की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ज़िला कांगड़ा के पौंग बांध में साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 70 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इससे साहसिक गतिविधियों के शौकीन राज्य की ओर रूख करेंगे। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सरकार यहां आने वाले पर्यटकों की यात्रा एवं उनके अनुभवों को अविस्मरणीय बनाने के लिए पर्यटन से जुड़े बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुखता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों में राज्य में पर्यटकों की आमद बढ़ाकर पांच करोड़ करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था मज़बूत होने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को रोज़गार और स्वरोज़गार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
हिमाचल में इस बार टमाटर ने सेब को पछाड़ दिया है। सोलन सब्जी मंडी में शनिवार को होलसेल में टमाटर 60 से 80 रुपये किलो (अधिकतम 2000 रुपये प्रति क्रेट) बिका। यह सोलन मंडी का रिकॉर्ड रेट बताया जा रहा है। वहीं, शिमला की भट्टाकुफर मंडी में टाइड मैन किस्म का सेब 40 से 75 रुपये के हिसाब से बिक रहा है। बता दें कि बीते 5 दिन के दौरान टमाटर के रेट में 300 से 500 रुपये प्रति क्रेट का इजाफा हो चुका है। टॉप क्वालिटी का टमाटर आम जनता तक पहुंचते-पहुंचते 110 रुपये हो गया है। मीडियम व लो क्वालिटी का टमाटर 80 से 100 रुपये के बीच बिक रहा है। इससे गरीब जनता की रसोई से टमाटर गायब हो रहा है। शिमला की ढली मंडी में भी शनिवार को टमाटर 60 से 75 रुपये होलसेल में बिका।
चंबा होटल एसोसिएशन की बैठक मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान किशन महाजन ने की। बैठक में सदर विधायक नीरज नैयर विशेष तौर से मौजूद रहे। बैठक में होटल एसोसिएशन के सदस्यों ने विश्व प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा की अवधि को 21 दिन की बजाए तीन माह करने की मांग उठाई है। उन्होंने चंबा से मणिमहेश के लिए हेली टैक्सी सेवा आरंभ करने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने साथ ही साहासिक पर्यटन की संभावनाओं के दोहन को लेकर भी प्रभावी कदम उठाए जाने की मांग की है। एसोसिएशन ने सदर विधायक को शॉल व टोपी पहना कर और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया। सदर विधायक नीरज नैयर ने होटल एसोसिएशन को मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रभावी तरीके से उठाकर जल्द सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
डिजीटल तकनीक एवं गवर्नेंस विभाग द्वारा कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर में 4 तथा 5 जुलाई को हिमाचल ड्रोन कॉन्कलेव आयोजित किया जाएगा। इस कॉन्कलेव में व्यापार जगत के प्रमुख, विशेषज्ञ, शिक्षाविद् तथा हितधारक शामिल होंगे, जो ड्रोन के क्षेत्र में सहयोग और ज्ञान के अदान-प्रदान को बढ़ावा देंगे। विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि यह कार्यक्रम कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, कृषि, वन प्रबन्धन, पर्यटन तथा अधोसंरचना विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक की प्रगति तथा उपयोग की जाने वाली एप्लीकेशन को उजागर करेगा। प्रथम सत्र की अध्यक्षता मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रख्यात प्रवक्ता हिमाचल प्रदेश में ड्रोन तकनीक के वर्तमान परिदृश्य, गवर्नेंस में ड्रोन तकनीक की भूमिका तथा इस क्षेत्र में रोज़गार अवसरों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सचिव उद्योग आर.डी.नजीम, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी डॉ. अभिषेक जैन तथा अन्य प्रमुख्य प्रवक्ताओं में शामिल होंगे।
कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तारीकरण को लेकर डीसी ऑफिस में जिलाधीश डॉ. निपुण जिंदल की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के उपरांत उपायुक्त ने बताया कि कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण से संबंधित आगामी कार्रवाई को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जाहिर की है। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डे के विस्तार की स्थिति में भूमि अधिग्रहण, मुआवजा आवंटन, पुनर्वास, निर्मित ढांचे, कृषि, वन संबंधित डेटा को फीड करने के लिए एनआईसी द्वारा एक सॉफ्टवेयर भी तैयार किया गया है, जिसके बारे में बैठक में विभाग द्वारा जानकारी उपलब्ध करवाई गई।
आपका विधायक आपके द्वार कार्यक्रम के तहत आज ग्राम पंचायत कुहन के गांव खास औच कलथुना में आज विधायक यादविंदर गोमा ने लोगों की समस्याओं को सुना। विधायक ने बहुत सी समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया और अन्य को विभाग के अधिकारियों को जल्द उनका समाधान करने के लिए कहा। इस दौरान विधायक यादविंदर गोमा ने 10 लाख रुपये औच में समुदायिक भवन बनाने के लिए व श्मशान घाट के रास्ते के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा कुहन में ओवरहेड टैंक और देहरियां में भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये अपनी विधायक निधि से देने की घोषणा की। विधायक गोमा ने विधानसभा के चुनाव के समय भरपूर सहयोग के लिए जनता का आभार व्यक्त भी किया।
जिला मंडी के अंतर्गत करसोग में प्रेस क्लब की बैठक का आयोजन किया गया। यहां शुक्रवार को प्रेस क्लब अध्यक्ष मित्र देव मित्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सोशल मीडिया पत्रकारिता के फैलते जाल को लेकर चिंता जाहिर की गई। इस अवसर पर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मित्र देव मित्रा ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडया के माध्यम से हो रही पत्रकारिता प्रिंट सहित अन्य मीडिया जगत के लिए एक चुनौती बन गई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पत्रकारिता भ्रामक खबरें प्रकाशित कर रहा है,जिससे मीडिया की विश्वसनीयता भी खतरे में पड़ गई है। ऐसे में सोशल मीडिया पत्रकारिता से समाज को फायदा भी हुआ है, लेकिन बहुत बार तथ्यहीन जानकारी की वजह से समाज में भ्रामकता फैलाई जा रही है। जिससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता खतरे में पड़ गई है। वहीं सोशल मीडिया पर पत्रकारिता की आड़ में विज्ञापन भी प्रकाशित किए जा रहे हैं, जिससे सरकार को टैक्स के रूप लाखों की चपत लग रही है।
आफत की बरसात से परेशान, डाडासीबा के दुकानदारों का ये अनोखा विरोध का शीर्षक देकर फर्स्ट वर्डिक्ट मीडिया में 28 जून को खबर प्रकाशित हुई थी उसका संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजन कुमार अपने कर्मचारियों सहित मौका पर पहुंचे। दुकानदारों से पानी निकासी के लिए बात की गई परंतु मौके पर दुकानदारों की पानी की निकासी के लिए सहमति न बनने पर इस समस्या का हल नहीं हो पाया। एक तरफ विभाग समस्या हल करने के लिए पहुंचा है, लेकिन स्थानीय दुकानदार कोई भी पानी निकासी के लिए जगह नहीं दे रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डाडा सीबा का बारिश का पानी इक_ा होकर इस सड़क पर इक_ा हो जाता है उन्होंने मांग की है कि स्कूल का जो पानी है उसे खडड की ओर भेजा जाए इस मौके पर डाडा सीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा, डाडा सीबा पंचायत के उप प्रधान परमेश्वरी दास ,पूर्व प्रधान सूरम सिंह व कई दुकानदार इस मौके पर उपस्थित रहे। उधर, इस संबंध में डाडासीबा लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजन कुमार ने बताया विभाग मौके पर पानी की समस्या का हल निकालने पहुंचा है लेकिन यहां कोई भी पानी निकासी के लिए जगह नहीं दे रहा उन्होंने बताया सभी दुकानदारों ने अपने दुकानों के लेंटर का पानी सड़क की ओर छोड़ा है और उन्हें विभाग की तरफ से नोटिस दिए जा रहे हैं। डाडासीबा व्यापार मंडल के प्रधान राजेंद्र सिंह गोगा ने बताया विभाग ने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया दुकानदारों से बात हुई है उन्होंने आश्वासन दिया है जैसा दुकानदार कहेंगे हल किया जाएगा। इस संबंध में डाडा स्कूल के प्रधानाचार्य सुदर्शन कुमार ने बताया आपके माध्यम से जानकारी मिली है अगर स्कूल के बारिश के पानी से समस्या आ रही है इस समस्या का हल करने का प्रयास किया जाएगा। यह है मामला डाडा सीबा बाजार के दुकानदार अपनी दुकानों के आगे बारिश का पानी इक्कठा होने से खासे परेशान हैं पानी निकासी न होने से सड़क मे पानी इकठा होने से चिंतित हैं। दुकानों के आगे पानी इक्कठा होने की वजह से उन्हें आवजाही करने के लिए उक्त पानी के बीच में ईंटो का सहारा लेकर दूकान में जाना पड़ता है। आपको बता दें डाडा सीबा से तलबाडा़ जाने वाली सड़क के करीब यह दुकाने हैं जहां पानी की ढंग से निकासी न होने की वजह से दुकानदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं । दुकानों के साथ एसबीआई का एटीएम है और पंजाब नेशनल बैंक के सामने गंदा पानी इक_ा होने से रुपए निकालने आने वाले उपभोक्ताओं को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है उन्होंने इस समस्या का हल निकालने की गुहार लगाई है।
कसुम्पटी मंडल भाजपा ने वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन फागू में किया। इस सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के राज्य अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। जबकि सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र भोटका ने की। सम्मेलन में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व मंत्री रूप दास कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष विजय परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस सम्मेलन में नगर निगम शिमला में कसुम्पटी क्षेत्र से जीते भाजपा के पार्षदों को सम्मानित भी किया गया ।इस दौरान भाजपा के राज्य अध्यक्ष राजीव बिंदल ने पार्षद रचना शर्मा,आशा शर्मा, कमलेश मैहता, कुसुम ठाकुर,निशा ठाकुर को सम्मानित किया। टोपी व भाजपा का फटका पहना कर पार्षदों को सम्मानित करते हुए डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधित्व नगर निगम शिमला में के पार्षद कर रहे हैं और शिमला की आवाज बनेंगे और शिमला के हित में काम करेंगे, पार्टी का पूरा साथ व समर्थन पार्षदों को रहेगा।
*कसुम्पटी के वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन में पंहुचे बिंदल *कहा, कार्यकर्ता ने मजबूत किया भाजपा को, मोदी ने विश्व का नम्बर एक संग़ठन बनाया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन फागू विधानसभा कसुम्पटी में भाग लिया। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज एवं रूप दास कश्यप विशेष रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा कसुम्पटी मण्डल अध्यक्ष जितेंद्र भोटका ने की। यह कार्यक्रम भाजपा की केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रीड की हड्डी वरिष्ठ कार्यकर्ता है, वरिष्ठ कार्यकर्ता का सम्मान जरूरी है, वरिष्ठ कार्यकर्ता ही पार्टी को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान में यह सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी सदैव वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कसुम्पटी मंडल भाजपा द्वारा वरिष्ठ से वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को लाया गया है, यह बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए भारत को नई दिशा दी है और यह दिशा भारत को और शक्तिशाली बनने के पथ पर लेकर जायेगी। इस अवसर पर भाजपा के राज्य अध्यक्ष राजीव बिंदल ने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल को दी जा रही योजनाओं की जानकारी दी वहीं केंद्र सरकार द्वारा किस प्रकार से विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है और क्या-क्या नीतियां बनाई जा रही है, इसकी जानकारी दी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे का कार्य को सराहा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचारों का संगठन है, विचारों से ही हम आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि आज देश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी को विश्व का नंबर एक संगठन बना दिया है। उन्होंने डॉ राजीव बिंदल के नेतृत्व को सराहा। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष विजय परमार मंडल ,प्रतिभा बाली,राकेश शर्मा,पार्षद रचना शर्मा,आशा शर्मा,कमलेश मेहता,कुसुम ठाकुर,निशा ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सूचना एवं जन संपर्क निदेशालय शिमला में अधीक्षक ग्रेड-11 पद पर कार्यरत सुभाष चंद्र शर्मा आज सेवानिवृत्त हो गए। सुभाष चंद्र शर्मा ने 22 जुलाई, 1988 को विभाग में अपनी सेवाएं आरंभ की थीं। सेवानिवृत्ति के अवसर पर सुभाष चंद्र शर्मा के सम्मान में सूचना एवं जन सम्पर्क निदेशालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर निदेशक किरण भड़ाना ने सुभाष चंद्र शर्मा द्वारा प्रदान की गई सेवाओं की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण भाव से दी गई उनकी सेवाएं अन्य कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय हैं। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
आस्था अग्निहोत्री ने चिलचिलाती धूप में स्कूली छात्रों के बीच चिलचितलाती धूप में बैठकर कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के नशा मुक्त समाज के सपने को पूरा करने के लिए लोग भरपूर सहयोग दें। उन्होंने राज्यपाल शिव प्रताप सिंह शुक्ल का भी कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पधारने पर आभार जताया। उन्होंने कार्यकारी पुलिस महानिदेशक सतवंत अटवाल का कार्यक्रम में शिरकत करने को लेकर भी धन्यवाद किया। स्थानीय लोगों और प्रदेशवासियों से नशा मुक्त समाज बनाने की भी अपील की। अपने संबोधन में आशा अग्निहोत्री ने भारत माता की जय के उद्घोष लगाए। उन्होंने कहा कि विकास में हरोली आगे निकल रहा है और हम लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। आस्था ने कहा कि वर्तमान समय में नशा एक ऐसी बुराई है, जिसे कोई एक व्यक्ति ठीक नहीं कर सकता ,बल्कि पूरे समाज को साथ मिलकर इसके विरुद्ध चोट करनी होगी। आस्था अग्निहोत्री ने कहा कि सब नौजवान और बच्चे संकल्प लें कि ना तो नशा करेंगे और ना किसी को नशा करने देंगे। उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ी सेवा यह है पुण्य का कार्य है कि हम नौजवान को नशे से दूर कर दें और परिवारों को खुशहाल कर दें।उन्होंने कहा कि मेरे पिता उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने एक सराहनीय पहल शुरू की है और इसमें सभी सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मां चिंतपूर्णी के आशीर्वाद से हम नौजवानों को नशा मुक्त करेंगे। सिम्मी अग्निहोत्री ने किया शंखनाद नशे के विरुद्ध रैली में ज्योति प्रज्वलित मशाल प्रज्वलित करने के साथ ही सिमी अग्निहोत्री ने शंख से जोरदार ध्वनि निकाली शंखनाद किया कि नशे से समाज को मुक्त करेंगे। सिमी अग्निहोत्री ने पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को भी देखा, स्वयं पैदल चली, नाटी भी डाली। मंच से नशे के विरुद्ध नारे भी लगाए। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने सिमी अग्निहोत्री के प्रयासों को भी सराहा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन फागू विधानसभा कसुंपटी में भाग लिया। उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज एवं रूप दास कश्यप विशेष रूप में उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम भाजपा की केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सोच बदली है, पूरे भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर फोकस किया गया है। भारत शक्तिशाली बना है, निर्णय लेने वाला भारत बना है। आज अमेरिका और रूस जैसे शक्तिशाली देश भारत के दोस्त बनना चाहते हैं। आज भारत की गिनती दुनिया के शक्तिशाली देशों में की जाती है। पूर्व में विश्व स्तर पर अंतरराष्ट्रीय विषय एक ही होता था भारत और पाकिस्तान की लड़ाई। आज केंद्र सरकार ने विश्व पटल पर भारत को लेकर सोच को बदला है। वर्तमान में भारत की तुलना पाकिस्तान से नहीं चीन से होती है, कि कब भारत चीन से भी शक्तिशाली बन जाएगा। केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारत का दृष्टिकोण बदला है और अगर देश को आगे लेकर जाना है तो इसी दिशा में हम सबको चलना होगा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए भारत को नई दिशा दी है और यह दिशा भारत को और शक्तिशाली बनने के पथ पर लेकर जायेगी।
केंद्रीय विद्यालय नलेटी की छात्रा यशिका का इसरो के युविका कार्यक्रम में चयन हुआ था। उस कार्यक्रम के तहत 14 मई से 26 मई तक ट्रेनिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया था, जिसमें चंद्रयान, मंगलयान, अंतरिक्ष भौतिकी, बेसिक स्काई ऑब्जर्वेशन, फिजिक्स बिहाइंड रॉकेट, तारा व तारामंडल संरचना आदि विषयों पर गहन चर्चा के साथ प्रयोगात्मक जानकारी दी गई। अतिरिक्त अन्य पाठ्यसहगामी गतिविधियों जैसे भारत के विभिन्न प्रांतों के नृत्य, गीत- संगीत, कला आदि के भी सेशन आयोजित हुए। इस कार्यक्रम के तहत यशिका के 25 लेक्चर सेशन हुए। इस कार्यक्रम में देश भर के 350 बच्चों ने भाग लिया था। यशिका ने प्रार्थना सभा में भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान, इसरो, देहरादून में बिताए गए दिनों और प्राप्त अनुभव को साझा किया। यशिका ने कहा कि यह कार्यशाला मेरे लिए अविस्मरणीय रहेगी। साथ ही बताया कि मैं भी भविष्य में इसरो की वैज्ञानिक बनना चाहती हूं। विद्यालय प्राचार्य ने अपने अपने संबोधन में कहा कि ये केन्द्रीय विद्यालय के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की छात्रा यशिका ने केन्द्रीय विद्यालय नलेटी का मान बढ़ाया है। सभी बच्चे इससे सीख ले और भविष्य में आयोजित होने वाली प्रत्येक प्रतियोगिता में अवश्य भाग लें।
राजस्व, बागवानी व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह ने गत सांय ग्राम पंचायत जंगी में जनसमस्याएं सुनी और जनसभा को संबंधित करते हुए कहा की जंगी में लिप्पा व आसरंग के साथ पानी के विवाद खत्म होने से जंगी में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या से निदान मिलेगा। उन्होंने जंगी में लोगों को पानी उपलब्ध करवाने के लिए लिप्पा और आसरंग के लोगों का भी आभार व्यक्त किया। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि किन्नौर जिला के हर गांव में सभी आवश्यक व मूलभूत सुविधा उपलब्ध करवाना प्रमुख प्राथमिकता है जिसके लिए वह निरंतर प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि जिला में बागवानी, शिक्षा, सड़क, बिजली व पानी इत्यादि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक अहम कदम उठाए गए हैं। जिला के अधिकतर कण्डों को मुख्य सम्पर्क सड़कों से जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। जिला के सभी गांवों में बिजली की सुविधा है तथा अब कण्डों तक बिजली की व्यवस्था पहुंचाने का कार्य भी किया जा रहा है। इसके अलावा जिला के जिन स्थानों में पानी की समस्या है उनका निवारण प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रिया नेगी ने मुख्यातिथि तथा अन्य अतिथिगणों के जंगी पचायत आगमन पर स्वागत संबोधन दिया। कांग्रेस ग्राम कमेटी द्वारा मंत्री महोदय को पारम्परिक ढंग से सम्मानित किया गया तथा सदस्य जंगी कांग्रेस कमेटी रोशन लाल ने धन्यावाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस दौरान महिला मण्डल जंगी द्वारा रंगा-रंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जिन्हें राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने 15 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की।
मोदी सरकार ने किसानों को करों और नीम कोटिंग शुल्कों को छोड़कर 242 रुपये प्रति 45 किलोग्राम की बोरी की समान कीमत पर यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यूरिया सब्सिडी योजना को जारी रखने की मंजूरी दे दी है। पैकेज में तीन वर्षों (2022-23 से 2024-25) के लिए यूरिया सब्सिडी को लेकर लगभग 3.70 लाख करोड़ रुपये आवंटित करने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है। यह पैकेज हाल ही में अनुमोदित 2023-24 के खरीफ मौसम के लिए 38,000 करोड़ रुपये की पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) के अतिरिक्त है। बिंदल ने कहा मोदी सरकार के इस निर्णय से किसानों को यूरिया की खरीद के लिए अतिरिक्त खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी और इससे उनकी इनपुट लागत को कम करने में मदद मिलेगी। वर्तमान में, नीम कोटिंग शुल्क और लागू करों को छोड़कर यूरिया की एमआरपी 242 रुपये प्रति 45 किलोग्राम यूरिया की बोरी है, जबकि बैग की वास्तविक कीमत लगभग 2200 रुपये है। यह योजना पूरी तरह से भारत सरकार द्वारा बजटीय सहायता के माध्यम से वित्तपोषित है। यूरिया सब्सिडी योजना के जारी रहने से यूरिया का स्वदेशी उत्पादन भी अधिकतम होगा। लगातार बदलती भू-राजनीतिक स्थिति और कच्चे माल की कीमतों में वृद्धि के कारण, पिछले कुछ वर्षों में वैश्विक स्तर पर उर्वरक की कीमतें कई गुना बढ़ रही हैं लेकिन नरेन्द्र मोदी सरकार ने उर्वरक सब्सिडी बढ़ाकर अपने किसानों को उर्वरक की अधिक कीमतों से बचाया है। उन्होंने कहा हमारे किसानों की सुरक्षा के प्रयास में, भारत सरकार ने उर्वरक सब्सिडी को 2014-15 में 73,067 करोड़ रुपये से बढ़ा कर 2022-23 में 2,54,799 करोड़ रुपये कर दिया है। मोदी सरकार ने ये भी निर्णय लिया है कि 2025-26 तक 195 एलएमटी पारंपरिक यूरिया के बराबर 44 करोड़ बोतलों की उत्पादन क्षमता वाले आठ नैनो यूरिया संयंत्र चालू हो जाएंगे। इससे जमीन के पोषक तत्वों की क्षमता बढ़ती है और किसानों की लागत भी कम आती है। नैनो यूरिया के उपयोग से फसल उपज में वृद्धि हुई है। वर्ष 2018 से 6 यूरिया उत्पादन यूनिट, चंबल फर्टिलाइजर लिमिटेड, कोटा राजस्थान, मैटिक्स लिमिटेड पानागढ़, पश्चिम बंगाल, रामागुंडम-तेलंगाना, गोरखपुर-उत्तर प्रदेश, सिंदरी-झारखंड और बरौनी-बिहार की स्थापना और पुनरुद्धार से देश को यूरिया उत्पादन और उपलब्धता के मामले में आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिल रही है। यूरिया का स्वदेशी उत्पादन 2014-15 के 225 एलएमटी के स्तर से बढ़कर 2021-22 के दौरान 250 एलएमटी हो गया है। 2022-23 में उत्पादन क्षमता बढ़कर 284 एलएमटी हो गई है। नैनो यूरिया संयंत्र के साथ मिलकर ये यूनिट यूरिया में हमारी वर्तमान आयात पर निर्भरता को कम करेंगे और 2025-26 तक हम आत्मनिर्भर बन जाएंगे।
खंड विकास कार्यालय लंबागांव में आज स्वयं सहायता समूह की बैठक हुई, जिसमें बतौर मुख्य अथिति जयसिंहपुर के विधायक यादविंदर गोमा ने शिरकत की। विधायक का खंड विकास कर्यालय लंबागांव में पहुंचने पर बीडीओ सिकंदर सिंह और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जोरदार स्वागत किया गया तथा टोपी और शॉल से सम्मानित किया। विधायक गोमा ने स्वयं सहायता समूह की 210 लाभार्थियों को एग्री न्यूट्री किट्स वितरित कीं। इस अवसर पर बीडीओ सिकंदर सिंह, पूर्व प्रधान टिक्करी, लंबागांव के पूर्व बीडीसी सदस्य रंजीत कुमार के साथ अन्य वरिष्ठ लोग व महिलाएं मौजूद रहीं।
उपमंडल देहरा के तहत कई क्षेत्रों में बेसहारा गौवंश राहगीरों और किसानों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। गत कुछ महीने पहले ही में चलाली गांव की बुजुर्ग महिला की गौवंश के हमले से जान चली गई थी। इसके साथ ही एक बार फिर लोग बेसहारा गोवंश से निजात पाने को लेकर आवाज उठाने लगे हैं। शहर ही नहीं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ता बेसहारा गोवंश परेशानी का सबब बनता जा रहा है। डाडा सीबा से ढलियारा मार्ग,नंगल चौक बढ़लठोर, चनौर बीहण इत्यादि क्षेत्रों के आसपास कई बार झुंड के झुंड सड़कों के किनारे और बीचोंबीच खड़े रहते हैं। देहरा उपमंडल की कई जगह सड़कों पर बेसहारा गौवंश देखने को मिल जाएंगे, जो कि सड़क किनारे से गुजरने वाले राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने रहते हैं। ज्यादातर बेसहारा पशु शाम और रात को सड़क के बीचो-बीच ही बैठे रहते हैं जिससे बाहन चालको को परेशानी का सामना करना पड़ता है और हादसा होने का अंदेशा रहता है। आलम यह है कि शहर से लेकर गांव तक के लोग इससे परेशान हैं। राहगीरों का जहां सड़कों पर चलना दूभर है वहीं, कई इलाकों में बेसहारा गौवंश से फसलों को बचाने के लिए रातभर जागकर पहरा देना पड़ता है। कुछ लोगों ने कंटीले तारों से फेंसिंग कर रखी है, लेकिन ऐसे किसानों की संख्या काफी कम है। बेसहारा गौवंश के संरक्षण के लिए बेशक सरकार ने योजनाएं बनाईं या कार्य किये लेकिन वे नाकाफी साबित हैं। अभी भी सैकड़ों की तादाद में बेसहारा पशु खुलेआम घूम रहे हैं। कई जगह सड़कों पर इनके झुंड के झुंड दिखाई देते हैं। सरकार को चाहिए कि सड़क पर बेसहारा गोवंश के संरक्षण हेतु उचित कदम उठाए जाएं, ताकि कोई भी गोवंश निराश्रित या बेसहारा न रहने पाए। क्या कहते हैं अधिकारी डाडासीबा के तहसीलदार बीरबल ने कहा कि संबंधित पंचायत और पशुपालन विभाग इसके बारे में उचित कार्रवाई करें। जिन पशुओं को टैग लगे हैं, पशु पालन विभाग इसकी जांच करें और इनके मालिकों का पता लगाएं। तदोपरांत इस बारे में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाए।
नाहन में शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रबुद्ध जन सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की और इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में केंद्र विश्वविद्यालय के पूर्व वाइस चांसलर कुलदीप अग्निहोत्री उपस्थित रहे। कुलदीप अग्निहोत्री ने भारत का विभाजन क्यों हुआ और उसे कांग्रेस ने क्यों स्वीकार किया उसके ऊपर स्पष्ट व्याख्यान जनता के समक्ष रखा। कुलदीप ने 1962 में चीन का जब युद्ध हुआ था उसके पीछे क्या कारण रहे, उस समय सरकार तैयार क्यों नहीं थी और उस समय इस तत्कालीन सरकार की मानसिकता युद्ध के लिए नहीं थी । इस विषय पर उन्होंने जनता के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि युद्ध के बाद भी भारत ने चीन बॉर्डर पर रोड नेटवर्क नहीं खड़ा किया और आधारपूर्वक ढांचा तैयार नहीं किया। वह इसलिए क्योंकि उस समय की सरकार चाहती थी कि अगर चीन भारत पर आक्रमण करे तो जल्दी से युद्ध जीत जाए। तत्कालीन कांग्रेस सरकार के समय भारत निर्णय लेने वाला भारत नहीं था। आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सोच बदली है, पूरे भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर फोकस किया गया है। आज भारत शक्तिशाली बना है, निर्णय लेने वाला भारत बना है। आज अमेरिका और रूस जैसे शक्तिशाली देश भारत के दोस्त बनना चाहते हैं। आज भारत की गिनती दुनिया के शक्तिशाली देशों में की जाती है। पहले विश्व स्तर पर अंतरराष्ट्रीय विषय एक ही होता था वो था भारत और पाकिस्तान की लड़ाई। आज केंद्र सरकार ने विश्व पटल पर भारत को लेकर सोच को बदला है। वर्तमान में भारत की तुलना पाकिस्तान से नहीं चीन से होती है, कि कब भारत चीन से भी शक्तिशाली बन जाएगा। केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारत का दृष्टिकोण बदला है और अगर देश को आगे लेकर जाना है तो इसी दिशा में हम सबको चलना होगा। डॉ. राजीव बिंदल ने कुलदीप अग्निहोत्री का धन्यवाद किया और कहा कि जिस प्रकार से भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है अवश्य भारत दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश बनने जा रहा है। आज भारत आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी ,भाजपा नेता बलदेव तोमर, बलदेव भंडारी, रीना कश्यप, विनय गुप्ता उपस्थित रहे।
उद्योग, संसदीय कार्य एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज अपने सिरमौर प्रवास के दौरान कफोटा व शिलाई में जनसमस्याएं सुनीं। उद्योग मंत्री कफोटा लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में कफोटा बोखाला-पाब, दुगाना, शिल्ला, टटियाणा, कोटा-पाब, ठोठा-जाखल, समां-पंपता पंचायतों के चुने हुए प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने मंत्री से मिल कर अपने क्षेत्रों की सामूहिक तथा व्यक्तिगत समस्याएं उनके समक्ष रखीं। इस दौरान कफोटा की जामना पंचायत के का प्रतिनिधि मंडल उनसे मिला और पवार गांव में सामुदायिक भवन बनवाने की मांग रखी। उद्योग मंत्री ने पवार गांव के लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने लोगों की अधिकांश समस्याओं का निपटारा मौके पर किया जबकि कुछ समस्याओं को उन्होंने संबंधित विभागों को तुरंत निराकरण के लिये सौंपा। उद्योग मंत्री दोपहर बाद शिलाई लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में लोगों की समस्या का निराकरण करने पंहूचे। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों शिलाई, नाया, पाब मानल, कुंहट, बाली कोटी, ग्वाली कोटा मानल, बादंली, भैला, डैहर, नैनीधार व लोजा मानल के चुने हुए प्रतिनिधि व स्थानीय लोगो ने मंत्री से मुलाकात की व क्षेत्र की समस्याएं उनके समक्ष रखी। उद्योग मंत्री ने अधिकांश समस्याओं का निपटारा मौके पर किया तथा कुछ समस्याओं को संबंधित विभागों को तुरंत निराकरण के लिये सौंप दिया। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक गांव में विकास की गति को तेज करना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। लोगों को पेयजल, बिजली, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिये सरकार कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जन की छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए संवेदनशील है जिसके दृष्टिगत वह समय समय पर आम जन से मिलकर उनकी छोटी-बड़ी समस्याओं का निराकरण करने में लगे रहते हैं। इस अवसर पर एसडीएम शिलाई सुरेश सिंघा, डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति राजेश कुमार, बीडीओ शिलाई अजय सूद, सदस्य सचिव उद्योग रचित शर्मा, कांग्रेस ब्लॉक समिति अध्यक्ष सीता राम, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रताप तोमर, बीडीसी सदस्य रमेश नेगी, कांग्रेस ब्लॉक महासचिव अत्तर राणा व वीर सिंह चौहान, प्रधान सुनील चौहान, माया राम, रघुवीर चौहान, अत्तर सिंह पुंडीर, गुलाब सिंह, खुशी राम, भाव सिंह, तपेंद्र चौहान सहित पंचायती राज संस्थानो के चुने हुए प्रतिनिधि व विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के 23 एनसीसी कैडेट्स एनसीसी के वार्षिक शिविर में भाग ले रहे हैं। जानकारी देते हुए विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने बताया कि यह शिविर वाईएस परमार विश्विद्यालय नौनी में प्रथम छात्र वाहिनी एनसीसी सोलन के सौजन्य से 29 जून से 8 जुलाई तक आयोजित किया जा रहा है। एएनओ अमर देव भी शिविर में कैडेट्स के साथ भाग ले रहे हे हैं। इस शिविर में लगभग 500 कैडेट्स स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय से भाग ले रहे हैं। ये शिविर प्रथम छात्र वाहिनी सोलन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल विक्रमजीत सिंह पनाग के मार्ग दर्शन में चलाया जा रहा है। इस शिविर में कैडेट्स के लिए सैनिक प्रशिक्षण, फारिंग प्रतियोगिता, समाजिक सेवा ज्ञान, खेलकूद प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रतियोगिता और ड्रिल प्रतियोगिता करवाई जाएगी। विद्यालय अध्यक्ष, विद्यलय प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष व समस्त अध्यापक वर्ग ने सभी एन सी सी शिविर में भाग ले रहे कैडेट्स को बधाई दी। बीएल सेंट्रल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुनिहार के कैडेट्स हर वर्ष शिवर मे भाग लेते हैं और शिविर से अच्छा परीक्षण प्राप्त कर स्कूल और कुनिहार का नाम रोशन करते हैं।
देश जनता ने जिस तरह से बीते 9 सालों में देश का विकास देखा है। उस विकास को देखकर पूरे देश की जनता खुश है और जनता एक बार फिर से यही चाहती है कि साल 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा एक बार फिर से विकास को लेकर जनता के बीच जाए। यह बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कही। हिमाचल प्रदेश भाजपा के द्वारा भी इन दिनों भाजपा का महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत शुक्रवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के लाहौल जिला के सीसु में विकास तीर्थ यात्रा का आयोजन किया गया। इस विकास तीर्थ यात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। तो वहीं उन्होंने केंद्र सरकार के 9 सालों के विकास पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विकास तीर्थ यात्रा के माध्यम से पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं और केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रचार किया जा रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडपिया ने लाहौल स्पीति के सीसु में भी स्थानीय ग्रामीणों व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की तस्वीर को बदला है और इससे हिमाचल प्रदेश भी अछूता नहीं रहा है। आज लाहौल स्पीति का पूरा स्वरूप बदल गया है और उसका मुख्य कारण अटल टनल है। केंद्र मंत्री का कहना है कि वह भी मनाली से अटल टनल होते हुए लाहौल घाटी पहुंचे जहां पर लाहौल के लोगों के द्वारा उनका स्वागत किया गया है। वहीं उन्होंने जब स्थानीय जनता के साथ संवाद किया तो उन्हें पता चला कि इससे पहले लाहौल घाटी के लोगों को कुल्लू आने के लिए रोहतांग दर्रा को पार करना पड़ता था। वही अटल टनल बनने के बाद उनका सफर आसान हुआ है और लाहौल घाटी में पर्यटन गतिविधियां बढ़ी है। इसके अलावा अटल टनल के माध्यम से किसानों को भी अपने कृषि उत्पाद मंडियों में पहचान पहुंचाने के लिए काफी सुविधा मिली है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पूरे देश में भाजपा के द्वारा महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है और जगह जगह भाजपा नेताओं के द्वारा ग्रामीणों के साथ संवाद भी किया जा रहा है। पूरे देश की जनता भाजपा के 9 सालों के विकास कार्यों से खुश है और एक बार फिर से लोकसभा चुनावों में भाजपा को जनता का साथ मिलने वाला है। वहीं उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी आग्रह किया कि वे भी केंद्र सरकार की योजनाओं का गांव गांव जाकर प्रचार करें। ताकि इन योजनाओं का लाभ सभी ग्रामीणों को घर द्वार पर मिल सके। संपर्क से समर्थन कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री ने तूपचिलिंग गोंपा, छेरिंग लमका, सुरेश कुमार, राजू, रवि कुमार, पाल्मो, रीता देवी, चिमेद अंगमो से संपर्क किया।
* डॉ राजीव बिंदल की नई टीम से जल्द उठ सकता है पर्दा * जिला और ब्लॉक स्तर पर भी चरणबद्ध तरीके से बदलाव तय हिमाचल में लगातार चुनाव हार रही भाजपा अब प्रदेश संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव की तैयारी में है। डॉ राजीव बिंदल के तौर पर नए प्रदेश अध्यक्ष की तैनाती पहले ही हो चुकी है और अब संगठन की सर्जरी की तयारी है। बताया जा रहा है पूरी कार्यकारिणी बदलने की तैयारी है और नए प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल ने संभावित कार्यकारिणी की लिस्ट तैयार कर मंजूरी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भेज भी दी है। नड्डा की सहमति मिलते ही कई बड़े चेहरों की छुट्टी हो सकती है और हाशिए पर चल रहे कई निष्ठावानों को तवज्जो मिलेगी। निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखया जायेगा। ऐसे कई पदाधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है जिनके क्षेत्र में बीते विधानसभा चुनाव में खुलकर बगावत हुई हैं और पार्टी का ग्राफ गिरा है। हालांकि मौजूदा कार्यकारिणी के कुछ पदाधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है। माना जा रहा है कि ये बदलाव सिर्फ राज कार्यकारिणी तक सिमित नहीं रहेगा। पार्टी संगठन में टॉप टू बॉटम बदलाव कर सकती है। राज्य कार्यकारिणी में आवश्यक बदलाव के बाद जिला और ब्लाक कि कार्यकारिणी में भी बदलाव होगा। अन्य मोर्चों में भी जरूरी बदलाव की तैयारी है। वहीँ विधानसभा चुनाव में बगावत का बिगुल फूंकने वाले नेताओं कि घरवापसी को लेकर अभी संभवतः पार्टी कोई निर्णय न ले लेकिन आवश्यकता पड़ने पर इस पर भी विचार हो सकता है। दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक दल, यानी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नडडा का डंका आज पुरे सियासी जगत में बजता है। पर उनके अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में नड्डा की चमक लगातार फीकी पड़ी है। अपने ही राज्य में नड्डा अपनी पार्टी को हारते हुए देख रहे है, निश्चित तौर पर ये बात उन्हें खलती तो होगी। जाहिर है नड्डा सियासत के माहिर खिलाड़ी है और अब कोई चांस लेने के मूड में नहीं होंगे। लाजमी है 2024 के लिए नड्डा अब नरम नहीं बल्कि गरम रुख अपनाये। ऐसे में संगठन में व्यापक बदलाव देखने को मिल सकता है। क्या नए चेहरों पर दांव खेलगी भाजपा ? 2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा एक्शन मोड में है। 2014 और 2019 में भाजपा ने प्रदेश में क्लीन स्वीप किया है और अब पार्टी इस प्रदर्शन को दोहराना चाहती है। मंडी लोकसभा उपचुनाव में हार के बाद पार्टी के तीन सांसद है और माहिर मान रहे है कि पार्टी सीटिंग सांसदों के टिकट काटने या बदलने से भी गुरेज नहीं करेगी। ग्राउंड फीडबैक के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जायेगा। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के अलावा अन्य डॉ सांसदों को टिकट मिलेगा या नहीं, ये कहना मुश्किल है। अनुराग की सीट बदलने को लेकर भी अटकलें तेज है। वहीँ मंडी से पार्टी उम्मीदवार के तौर पर जयराम ठाकुर और अनिल शर्मा के नाम चर्चा में है।
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने आज कांगड़ा स्थित अपने निवास स्थान और ओबीसी भवन नगरोटा बगवां में जन समस्याएं को सुनते हुए उनका निपटारा किया। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को सुनना और उनकी शिकायतों का निवारण करना सरकार का प्रथम कर्तव्य है। इस दौरान उन्होंने करीब 200 लोगों की समस्याओं को सुना। अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया तथा शेष के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने हटवास पंचायत के एक बुजुर्ग को चार कुर्सियां भी भेंट की। इसके बाद बाली नगरोटा बगवां के रहने वाले व्यवसाई एवं वरिष्ठ पत्रकार नीरज दुसेजा की माता ललिता दुसेजा के स्वर्गवास उपरान्त उनकी आत्मा की शांति के लिए रखी गई पूजा और उठाले में सम्मिलित हुए। उन्होंने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा परिवार के समक्ष अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। बाली ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊपरली मजेठली का भी दौरा किया। यहां आसमानी बिजली गिरने से लगभग 8 घरों की इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। उन्होंने मौक़े पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावितों से बात कर उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहायता करने का आश्वासन दिया।
कैंसर की विभिन्न बीमारियों में महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर पूरे विश्व में काफी फैला हुआ है। भारत में हर वर्ष 2 लाख के करीब ब्रेस्ट कैंसर के केस आ रहे हैं। हालांकि ब्रेस्ट कैंसर से बचाव आसान है, यदि इसका समय रहते पता चल जाए। यह बात एसडीएम धर्मशाला धर्मेश रमोत्रा ने धर्मशाला में आयोजित मैमोग्राफी कैंप में शिरकत करते हुए कही। एसडीएम ने कहा कि भारत में ब्रेस्ट कैंसर की पहचान देरी से होती है और यह रोग बिगड़ जाता है। 30 वर्ष की आयु के बाद महिलाओं को मैमोग्राफी टेस्ट करवाते रहना चाहिए। रेडक्रॉस सोसायटी की उपमंडल इकाई धर्मशाला ने मैमोग्राफी कैंप लगाने की शुरुआत की है और भविष्य में प्रयास किया जाएगा कि इस तरह के कैंप समय-समय पर आयोजित किए जा सकेंगे। मैमोग्राफी टेस्ट कैंप पालमपुर में करवाया जा रहा था, जिनसे संपर्क करके बहुत कम समय में धर्मशाला में भी यह कैंप यहां आयोजित किया गया। अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में इसी तरह का कैंप आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे। धर्मशाला में पहली बार आयोजित किए गए कैंप के प्रति महिलाओं ने रुचि दिखाई है और 70 से अधिक महिलाओं ने कैंप में टेस्ट करवाए हैं। ब्रेस्ट कैंसर यदि गंभीर रूप लेता है तो इसका पूरे परिवार पर असर पड़ता है। हमारी यही अपील है कि 30 वर्ष से अधिक की महिलाएं अपना मैमोग्राफी टेस्ट जरूर करवाएं।
पिछले कई दशकों से हिमाचली लोकगायकी में अपना लोहा मनवा रहे ठियोग के प्रसिद्ध लोक गायक किशन वर्मा को आकाशवाणी ने लोकगायक के रूप में ए ग्रेड कलाकार के रूप में चयनित किया है। 15 से 19 मई के बीच आकाशवाणी शिमला की ओर से स्वर परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसकी रिकॉर्डिंग केंद्रीय स्वर परीक्षा बोर्ड को भेजी गई थी। बोर्ड ने किशन वर्मा सहित हिमाचल प्रदेश के तीन लोकगायकों को ए ग्रेड के कलाकार के रूप में मान्यता दी है, जिनमें डॉ. रामस्वरूप शांडिल्य और डॉ. हेमराज चंदेल शामिल हैं। प्रसार भारती की केंद्रीय स्वर परीक्षा बोर्ड में भाग लेते हुए उसे उत्तीर्ण करने वाले किशन वर्मा पांचवे लोक गायक हैं। इससे पूर्व स्व. हेतराम तनवर और करनैल राणा को ए श्रेणी प्राप्त थी। किशन वर्मा की इस सफलता पर लोक गायकी के प्रशंसकों ने उन्हें बधाई दी है। किशन वर्मा पिछले कई दशकों से प्रदेश के लोगों का मनोरंजन अपनी मोहक आवाज से कर रहे हैं। आकाशवाणी, दूरदर्शन के अलावा उनके कई लोकगीतों के अलबम भी काफी लोकप्रिय हुए हैं। प्रदेश और बाहरी इलाकों में होने वाले उत्सवों में भी किशन वर्मा की आवाज काफी गूंजती रही है। उनकी ठेठ पहाड़ी आवाज के काफी प्रशंसक हैं। अपनी लोक संस्कृति के वास्तविक स्वरूप को बनाए रखने में भी किशन वर्मा का बड़ा योगदान है।
जिला सोलन के अटल शिक्षा कुंज स्थित प्रसिद्ध आईईसी विश्वविद्यालय में वीरवार को पांचवें दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मुख्य संसदीय सचिव, उद्योग, राजस्व एवं टीसीपी विभाग एवं दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी मौजूद रहे। दीक्षांत समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि, गेस्ट ऑफ ऑनर, विशेष अतिथि और शैक्षणिक जनसमूह के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के बाद आईईसी गान के साथ किया गया। समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के नियमानुसार हुआ, जिसमें विश्वविद्यालय के गत वर्ष में उत्तीर्ण सभी पीएचडी, एमफिल, स्नातकोत्तर तथा स्नातक छात्रों को डिग्री प्रदान की गईं और विभिन्न संकायों के होनहार विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक एवं सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट से भी सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधान और पहाड़ी टोपी पहनकर डिग्री हासिल की। इसके अलावा आईपीएस अधिकारी मोहित चावला, पत्रकार बलवीर सिंह, अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता Ÿविनीत गौतम, बेहतरीन प्रशासक शुभलक्षण सिंह बिंद्रा और टेक्निकल ब्रूक्स लैबोरेट्रीज के डायरेक्टर मनप्रीत सिंह नारू को उनके विशिष्ट कार्य के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने सभी डिग्री धारकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अर्जित विद्या का उपयोग लोकहित में करने की सीख दी। उन्होंने शिक्षा के महत्व के बारे में एक विद्वान का कथन दोहराते हुए कहा कि शिक्षा अच्छे दिनों का गहना है और मुश्किल समय की आश्रय शक्ति है। दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक डिग्री हासिल करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई। वहीं, गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित हुए मुख्य संसदीय सचिव राम कुमार चौधरी ने डिग्री धारकों से कहा कि आपने शोध एवं शिक्षा के समय जो कुछ विश्वविद्यालय में सीखा है, अब उस ज्ञान और कौशल को देश और प्रदेश के विकास में उपयोग करें। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति माननीय डॉ. नवीन गुप्ता जी ने सभी उपाधि धारकों को बधाई दी और कहा कि सामाजिक और तकनीकी विकास के वर्तमान दौर में बच्चों को ज्ञान, कौशल और नवीन विचारों के साथ समृद्ध बनाने के लिए विश्वविद्यालय का मिशन हम सभी को लगातार प्रेरित कर रहा है। वहीं, आईईसी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक पुरी ने कहा कि आईईसी विश्वविद्यालय की ओर से शोध-कार्य और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। विभिन्न समस्याओं को सुलझाने के साथ-साथ सामाजिक विकास के लिए विश्वविद्यालय के 200 से अधिक पीएचडी शोधार्थी निरंतर शोध कर रहे हैं। फैकल्टी सदस्य पेटेंट, किताबों और शोध-पत्रों के प्रकाशन के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शोध कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर डॉ. आमना मिर्जा, गवर्निंग बॉडी की सदस्य डॉ. सुकन्या सिन्हा, विजय अग्रवाल (ओएसडी), प्रो वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) रणदीप पूनिया, डीन अकैडेमिक अफेयर्स डॉ. विजय ठाकुर, गवर्नमेंट नॉमिनी श्री सुरेश कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. श्रीकांत शर्मा ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव विनोद कुमार ने इस दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद किया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने शिमला ग्रामीण मंडल के संयुक्त मोर्चा सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने सभी मोर्चों के प्रतिनिधियों में नए जोश का संचार किया, इस सम्मेलन का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की केंद्र सरकार में 9 वर्ष पूर्ण होने पर किया गया। सिकंदर कुमार ने जहां कार्यकर्ताओं को मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई, वहीं कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। सिकंदर ने कहा कि जो सरकार अपने परिवार को संभाल नहीं सकती वह हिमाचल प्रदेश को क्या संभालेगी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हिमाचल की कांग्रेस सरकार का कोई ना कोई किस्सा जनता के समक्ष आ ही रहा है। पहले एक कथित भ्रष्टाचार की चि_ी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय की सार्वजनिक होती है, उसके उपरांत एक कथित ऑडियो जिसमें जिसमें एक कांग्रेस की महिला प्रधान जो दून विधानसभा ने नाता रहती है वह उद्योगपति से एक काम करने के लिए 3 लाख मांगती है और आज एक चि_ी जनता के समक्ष आई जिसमें दो कांग्रेस की महिला प्रधान आपस में सचिवालय में ही लड़ पड़ी है और उसके कारण सचिवालय में जनता के आवागमन पर रिस्ट्रिक्शन लग गई है। सचिवालय के झगड़े की कंप्लेंट महिला थाने में भी रजिस्टर की गई है। ऐसे सारे मामले कांग्रेस के समय ज्यादा उजागर होते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की 6 महीने की सरकार में क्राइम रेट बढ़ा है और जिस प्रकार से यह सरकार लोन पर लोन ले रही है बड़ी जल्दी इस सरकार की गति पर रोक लग जाएगी। अपने सरकार के खर्चों पर लगाम लगाने में यह सरकार नाकाम हैं। 1 जून को 800 करोड़ का लोन और कल ही 1000 करोड़ का लोन इस सरकार ने लिया है और आपको याद होगा कि पिछले महीने सरकार पहली बार ओवरड्राफ्ट लेकर चली थी। वर्तमान कांग्रेस सरकार को वित्तीय प्रबंधन करना नहीं आ रहा है यह स्पष्ट रूप से दिख रहा है। इस अवसर पर भाजपा नेता रवि मेहता, दिनेश ठाकुर, पारुल शर्मा, सुमित ठाकुर, रणदीप कंवर, संजना शर्मा, कमलेश शर्मा, अनुराधा शर्मा, हुकुम सिंह, धर्म प्रकाश, मीनाक्षी गोयल, संजय भारद्वाज और योग राज उपस्थित रहे।
सिरमौर के नाहन में 25 जून से 28 जून तक पांच दिवसीय राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में राइफल स्माल बॉक्स प्रिंटर शॉट गेम जैसे शूटिंग इवेंट छठी आरबीएन बटालियन द्वारा आयोजित करवाए गए। इस प्रतियोगिता के मेन जूनियर की 10 मीटर रेस शूटिंग में खुंडिया तहसील के गांव नंतर बारी कलां निवासी शिवम राणा ने सिल्वर मेडल जीता। समापन समारोह में 2012 ओलंपियाड के सिल्वर मेडलिस्ट विजय कुमार ने शिवम को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। शिव के पिता सुनील कुमार एक्स सर्विसमैन हंै तथा वर्तमान में तहसील खुंडिया में बतौर पटवारी कार्यरत हंै, जबकि माता आशा रानी समाज सेवा और राजनीति से जुड़ी हैं।
वनों से आच्छादित देवभूमि हिमाचल के पहाड़ जहां एक ओर प्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं, वहीं दूसरी ओर पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। राज्य के इसी नैसर्गिक सौंदर्य को संजोए रखने और हरित आवरण को बढ़ाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने हरित आवरण को वर्ष 2023 तक 28 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत करने का एक महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जापान इंटरनेशनल कॉपोरेशन एजेंसी (जायका) के सहयोग से राज्य के मनोहारी परिदृश्यों को और अधिक विकसित करने पर कार्य कर रही है। राज्य के सात जिलों में कार्यान्वित जायका द्वारा वित्त पोषित वानिकी और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन परियोजनाएं क्षेत्र की हरियाली को बढ़ाने में सहायक रही हैं। उन्नत तकनीकों और तकनीकी हस्तक्षेपों का उपयोग करते हुए पिछले दो वर्षों में 4600 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर नियोजित वृक्षारोपण किया गया है। इसके अलावा परियोजना नर्सरी विकसित करने और रोपण स्टॉक की गुणवत्ता बढ़ाने पर बल देती है, जिसका लक्ष्य सामुदायिक और वानिकी के उपयोग के लिए विभिन्न लाभकारी प्रजातियों के 60 लाख से अधिक उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार करना है। संयुक्त वन प्रबंधन पहल को मजबूत करते हुए और सामूहिक प्रयास का उल्लेखनीय उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सात जिलों में 460 ग्राम वन विकास समितियां और 900 से अधिक स्वयं सहायता समूह स्थापित किए गए हैं। यह परियोजना वनों पर निर्भर समुदायों और फील्ड स्टाफ के कौशल संवर्धन और क्षमता निर्माण को भी प्राथमिकता देती है। आजीविका गतिविधियों और वन पुनर्जनन में प्रशिक्षित 15000 से अधिक व्यक्तियों के साथ, यह परियोजना जलवायु परिवर्तन और संबंधित आपदाओं से उत्पन्न जोखिमों को कम करती है। हिमाचल प्रदेश जैसे कृषि प्रधान राज्य में वनों का बहुत महत्त्व है। स्थानीय लोग अपनी आजीविका के लिए वन संसाधनों पर निर्भर करते हैं। जलवायु परिवर्तन को लेकर वैश्विक चिंताओं और पर्यावरण अनुकूल समाधानों की खोज तथा राज्य की वन संपदा को संरक्षित और समृद्ध करने की तात्कालिकता को पहचानते हुए जायका के साथ सहयोग नवल किरण बनकर उभरा है। जायका वर्ष 1991 से भारत में वानिकी और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन परियोजनाओं पर कार्य रहा है। जायका ने प्रदेश में भू-आवरण को बढ़ाकर और वन क्षेत्रों को संरक्षित करके सतत् विकास को प्राथमिकता प्रदान की है। जायका परियोजना राज्य में जापान की सर्वोत्तम वानिकी प्रणाली को लागू करने, वन विभागों के भीतर अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों को पेश करने और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास करती है। हिमाचल को हरित राज्य बनाना वर्तमान राज्य सरकार का सर्वोपरि लक्ष्य है। प्रदेश सरकार हरित और सतत् विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता के लिए दृढ़ता से कार्य कर रही है। जायका के साथ सहयोग नि:संदेह बड़े बदलावों की दिशा में महत्त्वपूर्ण कदम है जो यह सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में भी हिमाचल प्रदेश की पहचान विश्वभर में नैसर्गिक सौन्दर्य के लिए अद्वितीय बनी रहे।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि युवाओं के बेहतर मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य में खेल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. शांडिल गत सायं सोलन विकास खंड की ग्राम पंचायत शामती के गांव धोबटन में आयोजित मेले को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। डॉ. शांडिल ने इससे पूर्व ग्राम पंचायत शामती के मझगांव खुर्द में 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खेल मैदान का शिलान्यास भी किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खेल सभी के व्यस्त जीवन में विशेष रुप से विद्यार्थियों के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेल जहां व्यक्ति को शरीरिक रूप से मजबूत बनाता है वहीं मानसिक रूप से सुदृढ़ भी करता है। आज के व्यस्त जीवन में सभी के लिए खेल-कूद गतिविधियों में भाग लेना आवश्यक है। खेल मनुष्य के कार्य करने के तरीकों में गति और सक्रियता लाता है। डॉ. शांडिल ने कहा कि नशे से दूर रहने के लिए खेलकूद बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा कि खेल-कूद गतिविधियों से व्यक्ति में सकारात्मक ऊर्जा आती है जिससे वह किसी भी प्रकार के नशे से दूर रह सकता है। उन्होंने धरान्जटी खुर्द के संपर्क मार्ग को पक्का करने के लिए 2 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत शामती के मझगांव खुर्द में निर्मित खेल मैदान के लिए 5 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने मझगांव से धोबटन मेला मैदान तक पक्का रास्ता बनाने के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पंचायत घर कोठों के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने की घोषणा की। डॉ. शांडिल ने मेला समिति को 11 हजार रुपये दने की घोषणा भी की। इस अवसर पर उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार भी वितरित किए। डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनी और इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए। जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, ज़िला परिषद सदस्य मनोज वर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष लक्ष्मी ठाकुर, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, शहरी कांग्रेस के उपाध्यक्ष रजत थापा, ग्राम पंचायत शामती की प्रधान लता, ग्राम पंचायत कोठों की प्रधान जयवंती, ग्राम पंचायत नौणी के प्रधान मदन हिमाचली, ग्राम पंचायत शामती के उप प्रधान राकेश मेहता, उपमंडलाधिकारी सोलन कविता ठाकुर, मेला समति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर, सुंदर सिंह ठाकुर, राम रत्न, संजीव सूद, यादविंद्र ठाकुर, अमर सिंह, मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।
पूर्व मंत्री एवं जसवां-परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत डाडासीबा में सड़क पर खड़े पानी में नाव चलाने को लेकर वायरल वीडियो को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उनका कहना है कि यह वीडियो सरकार की कथनी और करनी की पोल खोलने वाला है। इससे साबित होता है कि सरकार विकास के प्रति कितनी गंभीर है। डाडासीबा जैसे मुख्य इलाके में ही सड़क का यह हाल है तो दूरदराज के इलाकों में स्थिति और भी खराब होगी। एक बयान में बिक्रम ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा देकर सत्ता में आई कांग्रेस के चेहरे से नकाब पूरी तरह हट चुका है। अपने छह माह के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने सिर्फ भाजपा सरकार की ओर से खोले गए संस्थान बंद किए हैं। सरकार का ध्यान विकास की तरफ है ही नहीं। सत्ता संभालने के कुछ माह के भीतर ही लोगों का सरकार से मोह भंग हो गया है। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के डाडासीबा में सड़क पर खड़े पानी में नाव चलाकर दुकानदारों का विरोध प्रदर्शन इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि डाडासीबा जैसे स्थान से रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आनाजाना होता है। करीब दो सौ मीटर लंबी सड़क पर खड़े इस पानी की वजह से किसी हादसे की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। बिक्रम ने प्रदेश सरकार और उसके नेता अहम स्थानों के प्रति इतना उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए। सिर्फ डाडासीबा ही नहीं प्रदेश के कई क्षेत्रों में ऐसी ही हालत बनी हुई है।
जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर उपमंडल के गांव हारसीपतन में रविंद्र सूद के घर में बुधवार रात को लगभग 9 बजे रसोई में इंडियन कोबरा देखा गया। सांप को देखकरपरिवार के सभी सदस्य बाहर आ गए और सांप रसोई में रखी लकड़ियों में छुप गया। कोबरा इतना बड़ा था कि सभी आगे जाने से घबरा रहे थे। उन्होंने रात को 11 बजे फोन से आलमपुर के माथुर धीमान को सूचित किया, लेकिन माथुर धीमान उस वक्त निजी कार्य से बाहर गए हुए थे। सुबह माथुर धीमान 10 बजे उनके घर पहुंचे तो देखा कि सांप वहीं लकड़ियों में छुपा हुआ था। माथुर धीमान ने इस सांप को पकड़कर उसका रेस्क्यू किया और घर वालों को भय से मुक्त किया। माथुर धीमान ने अताया कि यह इंडियन कॉमन कोबरा था, जिस में न्यूरोटॉक्सिक वेनम पाया जाता है। इसे रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया है।
क्रिकेट जगत के सबसे बड़े इवेंट विश्व कप के पांच मैचों की मेजबानी हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के धर्मशाला स्टेडियम को मिलना हर हिमाचली के लिए गर्व की बात है। हिमाचल जैसे छोटे राज्य ने अनुराग सरीखे नेता की कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। अनुराग ठाकुर की कड़ी मेहनत के बाद अरुण धूमल की सूझबूझ व कार्यक्षमता ने एचपीसीए को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। धर्मशाला को पांच मैच मिलने पर अनुराग ठाकुर का धन्यवाद करते हुए भाजपा युवा नेता डॉ. सुकृत ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्र धर्मशाला में दुनिया का सबसे खूबसूरत स्टेडियम बनाना कोई आसान काम नहीं रहा होगा, लेकिन अनुराग ठाकुर की दृढ़ इच्छा शक्ति से ही यह मुमकिन हो पाया है। डॉ. सुकृत ने कहा कि विश्व कप के पांच मैच मिलने के बाद जहां पूरे हिमाचल का नाम विश्व में ऊंचा हुआ है, वहीं खेल के क्षेत्र में इस छोटे राज्य के युवाओं की संभावनाएं बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में देश विदेश से लोग धर्मशाला में मैच देखने आएंगे, जिससे टूरिज्म क्षेत्र से जुड़े लाखों हिमाचलियों को लाभ होगा। जब यह क्रिकेट प्रशंसक वापस जाएंगे तो हिमाचल की खूबसूरती व संस्कृति का प्रचार-प्रसार अपने-अपने क्षेत्र में करेंगे, जिससे आगामी वर्षों में भी हिमाचल के टूरिज्म को बल मिलेगा। डॉ. सुकृत ने हिमाचल को विश्व कप के पांच अंतरराष्ट्रीय मैचों का तोहफा देने के लिए अनुराग ठाकुर, बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष अरुण धूमल व एचपीसीए का आभार व्यक्त किया।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि विभिन्न विभागों में सरकारी कर्मचारियों की तैनाती और तबादलों से संबंधित सभी मामले, जिन पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के विचार की आवश्यकता है, उन पर महीने के अंतिम चार कार्य दिवसों में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों द्वारा तैनाती एवं स्थानांतरण के अनुमोदित आदेश भी माह के अंतिम चार कार्य दिवसों में ही जारी किये जाएंगे। प्रवक्ता ने कहा कि जब तक कोई असाधारण परिस्थिति न हो, ऐसे मामलों को महीने के शेष दिनों में नहीं उठाया जाएगा। ये निर्देश राज्य सरकार के सभी बोर्डों और निगमों पर भी लागू होंगे।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं नैना देवी से विधायक रणधीर शर्मा ने कहा भारतीय जनता पार्टी का आरोप है की वर्तमान कांग्रेस सरकार शराब माफिया के दबाव में काम कर रही है। मार्च महीने के बाद हिमाचल प्रदेश में अनेकों नई जगहों पर शराब के ठेके खुल रहे हैं, कई जगह पंचायतों के एनओसी लिए बिना भी शराब के ठेके खुले हैं। इस ठेकों का वहां की जनता विशेषकर महिला मंडल जबरदस्त विरोध कर रही हैं, परंतु जब प्रशासन से बात होती है तो वह कहते हैं की यह शराब के ठेके नहीं सब ठीक हैं और इनके लिए पंचायतों की एनओसी की आवश्यकता नहीं है। इस तरह के जो नियम वर्तमान सरकार ने बनाए हैं, ये पूर्ण रूप से शराब माफिया को लाभ देने के लिए है, इसकी भारतीय जनता पार्टी कड़ी निंदा करती है। इन अनुचित नियमों की आड़ में शराब के ठेकेदारों ने जगह-जगह शराब के ठेके और अहाते खोलना शुरू कर दिए हैं, जिसके कारण हिमाचल प्रदेश की स्वरूप और भावना बिगड़ रही है। भारतीय जनता पार्टी का मानना है की वर्तमान कांग्रेस सरकार वैसे तो नशे के खिलाफ अभियान चला रही है, जिसका भारतीय जनता पार्टी समर्थन करती है। परंतु दूसरी तरफ यह सरकार शराब माफिया के दबाव में काम कर रही है, सबको तो यह भी लग रहा है कि नशे के खिलाफ इनका अभियान एक नौटंकी तो नहीं है। कहीं यह नशे के खिलाफ अभियान सच में नौटंकी बनकर ना रह जाए, इसलिए भारतीय जनता पार्टी की मांग है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शराब माफिया को संरक्षण ना दे और जिस प्रकार से जगह-जगह ठेके खुल रहे हैं चाहे नेशनल हाईवे की बात करो या पंचायतों की। आप हैरान होंगे कि किरतपुर मनाली फोरलेन का अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ है और अभी उस फोरलेन पर चाय की दुकानें भी नहीं हंै, परंतु शराब के ठेके खुल चुके हैं। एक फोरलेन पर जगह-जगह शराब के ठेके बड़ी संख्या में खुले हैं। भाजपा पूछना चाहती है कि क्या यह ठेके नियमों के तहत खुले हैं? परमिशन लेकर खुले हैं? हमारी मांग है कि सरकार इस सभी ठेकों की जांच करे और जो हिमाचल प्रदेश में शराब को लेकर पॉलिसी बनी है उसको सख्ती से लागू करना चाहिए।


















































